पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम द्वारा दिनांक 19 जून को प्रातः रियाली पुल के समीप नियमित नाकाबंदी एवं गश्त के दौरान लकड़ी से लदे कई संदिग्ध वाहनों को जांच हेतु रोका गया। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस थाना फतेहपुर तथा पुलिस पोस्ट रे के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से वाहनों की जांच की। जांच के दौरान कुल छह पिकअप वाहन तथा एक कैंटर विभिन्न प्रजातियों की लकड़ी एवं ईंधन लकड़ी से लदे पाए गए। वाहन चालकों से लकड़ी के परिवहन संबंधी वैध परमिट, लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किन्तु वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस संबंध में पुलिस थाना फतेहपुर में मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में लकड़ी के अवैध परिवहन की आशंका पाए जाने पर संबंधित सातों वाहनों तथा लकड़ी को कब्जे में लेकर आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रम "एंटी चिट्टा एवं ड्रग-फ्री हिमाचल अभियान" के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से आज नगर परिषद नूरपुर की नशा निवारण समिति (NNC) की बैठक नगर परिषद कार्यालय नूरपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने की। बैठक में एसडीएम नूरपुर, एसडीपीओ नूरपुर, थाना प्रभारी नूरपुर, नगर परिषद नूरपुर के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद के नवनिर्वाचित पार्षदों एवं अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों को प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे एंटी चिट्टा एवं ड्रग-फ्री हिमाचल अभियान के उद्देश्यों एवं कार्ययोजना की जानकारी दी गई। युवाओं में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति, विशेषकर चिट्टा (हेरोइन) एवं अन्य मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं तस्करी पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके प्रभावी नियंत्रण हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया। बैठक में स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों एवं वार्ड स्तर पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, नशे के प्रति संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने, युवाओं को जागरूक करने, समुदाय आधारित सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा पुलिस, प्रशासन एवं स्थानीय निकायों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा, एसडीएम नूरपुर, एसडीपीओ नूरपुर एवं थाना प्रभारी नूरपुर ने नगर परिषद के सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा नशे के विरुद्ध जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। सभी पार्षदों ने नशा मुक्त नूरपुर एवं नशा मुक्त हिमाचल के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों को नशे के विरुद्ध सामूहिक रूप से कार्य करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई। अंत में यह संकल्प लिया गया कि एंटी चिट्टा एवं ड्रग-फ्री हिमाचल अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देते हुए जागरूकता, जनभागीदारी एवं समन्वित प्रयासों को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
ज्वालामुखी क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं श्री लक्ष्मी नारायण यज्ञ समिति के अध्यक्ष विद्या सागर शर्मा के आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर से समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा स्थानीय लोगों में गहरा दुःख व्याप्त है। श्री लक्ष्मी नारायण यज्ञ समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विद्या सागर शर्मा एक सरल, मिलनसार और समाज सेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने समिति के माध्यम से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में समिति ने अनेक धार्मिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया। समिति के सदस्यों ने कहा कि विद्या सागर शर्मा का निधन समाज और धार्मिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई करना कठिन होगा। उनके आदर्श और समाज सेवा के कार्य सदैव लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।
भारतीय मजदूर संघ के तत्वावधान में भारतीय डाक कर्मचारी संघ ग्रुप ‘सी’, भारतीय डाक कर्मचारी संघ पोस्टमैन एवं एमटीएस तथा भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ, देहरा मंडल द्वारा 21 जून 2026 को होटल पोंग व्यू, देहरा में संयुक्त सीडब्ल्यूसी (CWC) बैठक एवं प्रथम अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि इस बैठक में हिमाचल प्रदेश के सभी डाक मंडलों से कर्मचारी प्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी भाग लेंगे। अधिवेशन के दौरान डाक कर्मचारियों और ग्रामीण डाक सेवकों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों, कर्मचारियों की समस्याओं, विभागीय नीतियों तथा संगठनात्मक विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। बैठक में डाक मंडल देहरा की भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ इकाई तथा भारतीय डाक कर्मचारी संघ पोस्टमैन एवं एमटीएस इकाई की नई कार्यकारिणियों का गठन भी किया जाएगा। इसके माध्यम से संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जाएगी। अधिवेशन में 20 जुलाई 2026 से देशभर में प्रस्तावित डाक कर्मचारियों के जन आंदोलन के प्रमुख बिंदुओं, मांगों और कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर आंदोलन की रूपरेखा और उसकी सफलता के लिए आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजकों ने प्रदेश के सभी डाक मंडलों के कर्मचारियों और पदाधिकारियों से अधिवेशन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है, ताकि संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके तथा कर्मचारियों की आवाज को मजबूती मिल सके।
हिलटॉप दुर्गा मंदिर डमटाल के जनरल हाउस की बैठक मंगलवार को वन विश्राम गृह भदरोया में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक मलेंद्र राजन ने की। बैठक के प्रारंभ में मंदिर अधिकारियों ने मंदिर की आय-व्यय तथा विभिन्न गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा विधायक को प्रस्तुत किया। इसके बाद मंदिर से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने निर्देश दिए कि मंदिर में चल रहे तथा प्रस्तावित सभी विकास कार्य पूर्ण पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस धार्मिक स्थल के विकास में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने मंदिर के समस्त स्टाफ की पुनर्नियुक्ति की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त विधायक ने मंदिर में प्रसाद व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित एवं बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर की आय एवं निधि का उपयोग केवल मंदिर के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र के विकास कार्यों पर ही किया जाएगा। मंदिर की राशि किसी अन्य बाहरी कार्य में खर्च नहीं की जाएगी। इस अवसर पर मंदिर परिसर में वर्ष में कम से कम एक बार भव्य जागरण अथवा भंडारे के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई, ताकि श्रद्धालुओं की सहभागिता बढ़े और धार्मिक गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके। बैठक में डीएफओ संदीप कोहली, एसीएफ निशांत पाराशर, आरओ इंदौरा अब्दुल हमीद सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
समाजसेवी मुकेश कुमार और ज्वालामुखी पुलिस के बीच चला हाई-वोल्टेज घटनाक्रम इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले से जुड़े वीडियो और दावे-प्रतिदावे तेजी से वायरल हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार हाल ही में आठ स्थानीय लोगों ने ज्वालामुखी थाना में एक शिकायत पत्र सौंपकर मुकेश कुमार पर सोशल मीडिया के माध्यम से स्थानीय विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने तथा भड़काऊ बयानबाजी कर लोगों को प्रभावित करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी सिलसिले में ज्वालामुखी पुलिस की एक टीम बीते दिनों मुकेश कुमार के अस्थायी निवास, नोएडा (दिल्ली-एनसीआर) पहुंची। इस दौरान मुकेश कुमार ने पुलिस से गिरफ्तारी संबंधी दस्तावेज एवं वारंट दिखाने की मांग की। वायरल वीडियो में वह पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दिखाई दे रहा है। उसका दावा है कि बिना पर्याप्त दस्तावेज दिखाए उसे हिरासत में लेने का प्रयास किया गया। मुकेश कुमार ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए आरोप लगाया है कि राजनीतिक दबाव में उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उसने कहा कि उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को भेजा गया, जो अनावश्यक प्रतीत होता है। मुकेश का यह भी आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी से उसके किराए के आवास के बाहर का माहौल किसी छावनी जैसा बन गया था। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मुकेश अपने कमरे के भीतर से ही रिकॉर्डिंग कर रहा है, जबकि पुलिस कर्मी बाहर मौजूद हैं। इस दौरान उसने स्वयं को कमरे के अंदर रखा और पुलिस टीम से लगातार बातचीत करता रहा। वहीं, पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस द्वारा संबंधित कानूनी प्रक्रिया के तहत वारंट/नोटिस जारी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि मुकेश कुमार ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयानों में इन दस्तावेजों की वैधता पर भी सवाल उठाए हैं। फिलहाल मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज है। एक पक्ष मुकेश कुमार के समर्थन में खड़ा दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा पक्ष पुलिस कार्रवाई को कानून के तहत उठाया गया कदम बता रहा है। मामले की वास्तविक स्थिति और आरोपों की सत्यता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। हालांकि ज्वालामुखी पुलिस कहना है कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ चले हुए केस की समाप्ति तक साफ तौर पर मना किया गया था कि वो सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी न करे लेकिन यह हिदायत न मानी इसके तहत कार्यवाई अमल में लायी गयी है । इस सन्दर्भ में मुकेश का कहना है कि मेरे ऊपर एफआईआर दर्ज होने के बाद 26 मई को पुलिस द्वारा मुझे नोटिस जारी किया गया था और थाने में हाजिर होने को कहा था इसके तहत मैं इस मामले को लेकर 30 मई को थाना में हाजिर हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया पुलिस राजनीतिक दबाव में यह कार्य कर रही है।
भाजपा मंडल परागपुर के अध्यक्ष विनोद शर्मा और जसवां मंडल अध्यक्ष वरिंदर ठाकुर ने सोशल मीडिया पर सक्रिय एक स्थानीय समाजसेवी की कार्यशैली और राजनीतिक मंशा पर सवाल उठाए हैं। दोनों नेताओं का आरोप है कि संबंधित समाजसेवी क्षेत्रीय मुद्दों तथा प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कथित विफलताओं पर मौन रहते हैं, जबकि उनका ध्यान पूर्व मंत्री एवं विधायक विक्रम ठाकुर की आलोचना पर अधिक केंद्रित रहता है। भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि समाजसेवी द्वारा हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के दावे किए जा रहे हैं, तो उन्हें इस संबंध में विस्तृत विवरण अथवा श्वेत पत्र जारी कर जनता के सामने तथ्य प्रस्तुत करने चाहिए। उन्होंने कहा कि निजी व्यवसाय को जनसेवा के रूप में प्रस्तुत कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए। विनोद शर्मा ने आरोप लगाया कि संबंधित समाजसेवी चुनावी समय में ही क्षेत्र में अधिक सक्रिय दिखाई देते हैं और चुनाव समाप्त होने के बाद लंबे समय तक जनता से दूरी बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि विक्रम ठाकुर ने वर्षों के संघर्ष, संगठनात्मक कार्य और जनसेवा के बल पर अपनी पहचान बनाई है तथा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और अन्य विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर चुप्पी साधना समाजसेवी के दोहरे राजनीतिक रवैये को दर्शाता है। विनोद शर्मा और वरिंदर ठाकुर ने कहा कि राजनीतिक महत्वाकांक्षा रखना किसी भी व्यक्ति का अधिकार है, लेकिन भाजपा के मजबूत संगठनात्मक ढांचे और जनाधार को कमजोर करने के प्रयास सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि जनता अनुभव, संघर्ष और निरंतर जनसेवा को महत्व देती है तथा इसी आधार पर अपना जनप्रतिनिधि चुनती है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन, बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में 18 जून तक मौसम खराब बना रह सकता है। इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में अचानक तेज बारिश के कारण जलभराव और छोटे नालों के उफान पर आने की भी आशंका जताई है। पर्वतीय इलाकों में दृश्यता कम होने से यातायात प्रभावित हो सकता है, जिससे वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन भूस्खलन, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याओं की आशंका भी बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। वहीं किसानों और बागवानों को भी मौसम की ताजा जानकारी के अनुसार अपने कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा बागवानी क्षेत्रों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं से फलों की फसल को नुकसान पहुंचने की संभावना को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
पुलिस जिला नूरपुर की पीओ (Proclaimed Offender) सेल ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी प्रदीप कुमार उर्फ दीपा (45) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गांव कुल्हण, तहसील एवं जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर) का रहने वाला है और उसके खिलाफ पुलिस थाना इंदौरा में वर्ष 2010 में दर्ज मुकदमा संख्या 109/10 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 279, 337 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 181 के अंतर्गत मामला दर्ज था। न्यायालय में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण माननीय जेएमएफसी कोर्ट इंदौरा ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। नूरपुर पुलिस की पीओ सेल टीम ने 12 जून 2026 को विशेष अभियान के तहत उसे 3 पुली चिनौर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार इसकी सूचना आरोपी की पत्नी को दी गई तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए उसे पुलिस थाना इंदौरा के सुपुर्द कर दिया गया है। नूरपुर पुलिस ने कहा है कि फरार आरोपियों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा आम जनता से भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
नूरपुर। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नूरपुर पुलिस (CIA टीम) ने मीलवां क्षेत्र में पंजाब नंबर की कार से 264.6 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर एक बड़े अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जितेंद्र सिंह (41), निवासी गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है, जिसने स्टीयरिंग कवर के नीचे नशा छिपा रखा था। एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर उलेहड़ियां-मीलवां मार्ग पर नाकाबंदी कर यह कामयाबी हासिल की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का नेटवर्क हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में फैला है, और उस पर पहले भी एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के 3 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कार और ड्रग्स को जब्त कर केस दर्ज कर लिया है और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला कल यानी 13 जून को धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला एक डे-नाइट (दिन-रात) मैच है, जो दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। इस सीरीज में भारतीय टीम की कमान युवा बल्लेबाज शुभमन गिल संभाल रहे हैं, जबकि अफगानिस्तान की टीम राशिद खान जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरेगी। क्रिकेट फैंस इस रोमांचक मैच को टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स और डीडी स्पोर्ट्स पर लाइव देख सकते हैं, जबकि इसकी डिजिटल स्ट्रीमिंग 'जियोहॉटस्टार' (JioHotstar) पर की जाएगी। यह मुकाबला इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि साल 2023 के वनडे विश्व कप के बाद धर्मशाला के इस मैदान पर कोई अंतर्राष्ट्रीय वनडे मैच आयोजित होने जा रहा है। खेल प्रेमियों के लिए ध्यान देने वाली बात यह है कि बीसीसीआई (BCCI) ने पहले इस मैच को 14 जून को कराने का फैसला किया था, लेकिन बाद में तारीखों में बदलाव कर इसे 13 जून (शनिवार) को तय किया गया। चूंकि यह मैच पहाड़ों के बीच बसे खूबसूरत स्टेडियम में हो रहा है, इसलिए मौसम की भूमिका भी अहम होगी। जून के महीने में दोपहर के समय यहां अच्छी खासी धूप और गर्मी रहेगी, लेकिन शाम होते-होते तापमान गिरकर 10 से 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस ठंडी शाम में फ्लडलाइट्स के नीचे मैच का दूसरा हिस्सा खेला जाएगा। भारतीय टीम हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में बड़ी जीत दर्ज कर चुकी है, जिससे टीम के हौसले बुलंद हैं। वहीं अफगानिस्तान की टीम भी अपने बेहतरीन स्पिन आक्रमण के दम पर भारतीय सरजमीं पर बड़ा उलटफेर करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
9 HP बटालियन एनसीसी, डलहौजी के निर्देशानुसार गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज (जीडीसी) इंदौरा की एनसीसी यूनिट द्वारा सोमवार को फिट इंडिया मूवमेंट के तहत एक जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य युवाओं में शारीरिक फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा देना था। रैली को कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नमेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने एनसीसी कैडेट्स के उत्साह, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को साइकिलिंग को पर्यावरण अनुकूल एवं टिकाऊ परिवहन के साधन के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया। एनसीसी के सीटीओ डॉ. पंकज कौशल के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली में कैडेट्स ने फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित संदेशों वाले प्लेकार्ड प्रदर्शित किए तथा जागरूकता के नारे लगाए। कैडेट्स ने लोगों को संदेश दिया कि साइकिल चलाना न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि प्रदूषण कम करने और ईंधन बचाने में भी सहायक है। रैली के दौरान स्थानीय लोगों ने भी कैडेट्स के प्रयासों की सराहना की और फिटनेस व स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाने के इस अभियान को सराहनीय बताया। इस अवसर पर डॉ. पंकज कौशल ने कहा कि एनसीसी गतिविधियां जिम्मेदार, अनुशासित और शारीरिक रूप से सक्षम नागरिकों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कैडेट्स से ऐसे जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी जारी रखने और फिट इंडिया मूवमेंट के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर लगातार सख्त कार्रवाई अमल में ला रही है। इसी कड़ी में थाना रेहन में दर्ज FIR No. 41/26 दिनांक 13.04.2026 धारा 20, 25, 29 NDPS Act में की जा रही गहन तफ्तीश के दौरान पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज पर कार्य करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय संजय कुमार पुत्र शेर सिंह, निवासी गांव कुंडल, तहसील सलूणी, जिला चंबा के रूपमे हुए है। गौरतलब है कि उक्त मामले में घटना के दिन मौके से आरोपी रोबिन (निवासी जिला चंबा) और यूसुफ (निवासी जिला चंबा) को गिरफ्तार किया गया था, जिनसे 1 किलो 210 ग्राम चरस बरामद हुई थी। इसके बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर तीसरी गिरफ्तारी आरोपी शुक्रदीन (निवासी जिला चंबा) की की थी, जबकि अब मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर संजय कुमार (निवासी जिला चंबा) के रूप में यह चौथी गिरफ्तारी की गई है। नूरपुर पुलिस द्वारा नशे के नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस जिला नूरपुर ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
निकटवर्ती बणी स्थित शिव मंदिर परिसर में महादेव जन कल्याण ट्रस्ट गरली की 39वीं त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा निराश्रित महिलाओं को पेंशन राशि एवं घरेलू उपयोग का सामान वितरित करने का कार्यक्रम पूर्व की भांति जारी रखा गया। ट्रस्ट की प्रमुख सदस्य शालिनी पटियाल राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था अब तक लगभग 45 निराश्रित महिलाओं को सहायता प्रदान कर रही है। यह सहयोग प्रत्येक तीसरे महीने के पहले रविवार को बणी गांव के शिव मंदिर में उपलब्ध कराया जाता है। बैठक के दौरान निराश्रित महिलाओं एवं उनके बच्चों को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं। साथ ही प्रत्येक महिला को एक-एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। इस अवसर पर वालिया परिवार की ओर से सभी के लिए धाम का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट से जुड़े सदस्य मदन लाल शर्मा, निर्मला राणा, हेमराज शर्मा, कुसुम वालिया, सरोज शर्मा, वरुण पटियाल, अमित वालिया, चुहरू राम, संसार चंद, सुभाष पटियाल, संजीव, दलजीत खट्टा तथा रंगील सिंह सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। संस्था के सभी सदस्यों ने कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें इस प्रकार के समाजसेवी एवं मानव कल्याण के कार्यों से जुड़ने का अवसर मिला है। उन्होंने इस अभियान से जुड़े सभी दानी सज्जनों एवं सहयोगकर्ताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह सेवा कार्य निरंतर सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। बैठक के अंत में ट्रस्ट के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे भी इस नेक कार्य में संस्था का सहयोग करें तथा महादेव जन कल्याण ट्रस्ट गरली द्वारा चलाए जा रहे जनकल्याणकारी अभियानों का हिस्सा बनकर जरूरतमंद लोगों की सहायता में योगदान दें।
हिमाचल प्रदेश के सबसे अहम राजनीतिक जिला कांगड़ा में शहरी निकाय चुनावों के नतीजों ने प्रदेश की सियासत का पारा बढ़ा दिया है। सत्ता की दिशा तय करने वाले कांगड़ा में कांग्रेस का प्रदर्शन भाजपा के लिए चिंता का कारण बनता दिख रहा है। पांच नगर परिषदों में से चार पर कांग्रेस ने मजबूत पकड़ बनाई है, जबकि भाजपा केवल नगरोटा बगवां में बढ़त बनाए रखने में सफल रही है। सबसे ज्यादा चर्चा कांगड़ा नगर परिषद को लेकर हो रही है, जहां भाजपा बड़ी मुश्किल से क्लीन स्वीप होने से बच पाई है। वहीं सांसद राजीव भारद्वाज के गृह क्षेत्र नूरपुर में भी पार्टी का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। इसी तरह देहरा और ज्वालामुखी में भी भाजपा को खास सफलता नहीं मिली। इन नतीजों ने भाजपा संगठन के भीतर मंथन की जरूरत को और बढ़ा दिया है। राजनीतिक जानकार मान रहे हैं कि अगर कांगड़ा जैसे निर्णायक जिले में पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहता है तो 2027 का विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए आसान नहीं होगा। अब सबकी निगाहें 31 मई को आने वाले नगर निगम चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं। चार नगर निगमों में से दो पालमपुर और धर्मशाला कांगड़ा जिले में आते हैं। ऐसे में भाजपा को उम्मीद है कि यहां बेहतर प्रदर्शन कर पार्टी राजनीतिक संदेश देने में कामयाब होगी। ये चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़े गए हैं, इसलिए इन्हें 2027 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। यदि नगर निगम चुनावों में भी भाजपा के नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं आते, तो प्रदेश नेतृत्व पर सवाल उठना तय माना जा रहा है। पार्टी के भीतर भी नेतृत्व को लेकर तीखे सवाल खड़े हो सकते हैं। हालांकि फिलहाल भाजपा के वरिष्ठ नेता जीत का दावा कर रहे हैं। अब इंतजार 31 मई का है, जब यह साफ होगा कि किसे राहत मिलेगी और किसे बड़ा राजनीतिक झटका लगेगा।
इंदौरा विधायक मलेंदेर राजन ने नगर पंचायत चुनावों में कांग्रेस की जीत पर क्षेत्र की जनता का आभार जताया। इंदौरा में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने लोगों को धन्यवाद देते हुए आगामी ग्राम पंचायत चुनावों में बढ़-चढ़कर मतदान करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि जनता अच्छे और योग्य उम्मीदवारों को चुनकर क्षेत्र के चहुंमुखी विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि ग्राम पंचायत चुनाव पार्टी चिन्हों पर नहीं, बल्कि गांवों के अपने स्थानीय मुद्दों और उम्मीदवारों के आधार पर लड़े जाते हैं। ऐसे चुनावों को राजनीतिक दलों से जोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनावों में जो भी उम्मीदवार जीतकर आएंगे, उनके साथ मिलकर क्षेत्र के सम्पूर्ण विकास के लिए कार्य किया जाएगा।
गरली में चल रही श्रीमद्देवीभागवत कथा के छठे दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। कथाव्यास आचार्य साक्षी चैतन्य ने 'ऐं, ह्रीं, क्लीं' महामंत्रों की उत्पत्ति और साधन-साध्य के दार्शनिक रहस्य को समझाया। ऐतिहासिक एवं धरोहर गांव गरली में आयोजित भव्य श्रीमद्देवीभागवत महापुराण कथा के दिव्य प्रसंग में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सुप्रसिद्ध कथाव्यास ज्योतिर्विद आचार्य साक्षी चैतन्य महाराज ने माँ भगवती के परम शक्तिशाली नवार्ण मंत्र 'ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डायै विच्चे' की अलौकिक महिमा का वर्णन किया। संगीतकमयी कथा के दौरान आचार्य ने न केवल इन बीज मंत्रों की ब्रह्मांडीय उत्पत्ति की कथा सुनाई, बल्कि मानव जीवन में 'साधन' और 'साध्य' के गहरे आध्यात्मिक संबंध को भी अत्यंत सरल शब्दों में रेखांकित किया। कथाव्यास आचार्य साक्षी चैतन्य ने देवी भागवत के गूढ़ प्रसंगों का संदर्भ देते हुए बताया कि नवार्ण मंत्र का प्रत्येक अक्षर अपने आप में संपूर्ण ब्रह्मांड की ऊर्जा को समेटे हुए है। उन्होंने कथा के माध्यम से समझाया कि व्यासपीठ से जीवन प्रबंधन के व्यावहारिक सूत्रों को जोड़ते हुए आचार्य साक्षी चैतन्य ने कहा कि आज का मनुष्य भटक रहा है क्योंकि वह 'साधन' को ही 'साध्य' मान बैठा है। कथा के दौरान जब आचार्य ने माँ कालरात्रि के प्राकट्य, चण्ड-मुण्ड वध और भक्त सुदर्शन की कथाओं का जीवंत वर्णन किया, तो पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। संगीत दल द्वारा प्रस्तुत किए गए दिव्य भजनों और बांसुरी की मधुर तानों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने पर मजबूर हो गए। कथा के विश्राम पर मुख्य यजमानों सहित स्थानीय नागरिकों ने व्यासपीठ की आरती उतारी और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर भारी संख्या में स्थानीय महिला-पुरुष व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
देहरा नगर परिषद चुनाव में रविवार को मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया। शाम 3 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार नगर परिषद के सातों वार्डों में कुल 74.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 3573 मतदाताओं में से 2664 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पुरुष मतदाताओं में 74.08 प्रतिशत और महिला मतदाताओं में 75.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। वार्डवार मतदान आंकड़ों पर नजर डालें तो वार्ड नंबर-1 में 735 मतदाताओं में से 517 वोट पड़े और मतदान प्रतिशत 70.34 रहा। वार्ड नंबर-2 में कुल 413 मतदाताओं में से 322 लोगों ने मतदान किया, यहां 77.96 प्रतिशत वोटिंग हुई। वार्ड नंबर-3 में 579 में से 461 वोट पड़े और मतदान प्रतिशत 79.62 दर्ज किया गया। वार्ड नंबर-4 में सबसे अधिक 403 में से 322 वोट पड़े तथा मतदान प्रतिशत 79.90 रहा। वार्ड नंबर-5 में 480 मतदाताओं में से 341 लोगों ने मतदान किया, यहां 71.04 प्रतिशत मतदान हुआ। वार्ड नंबर-6 में 472 में से 350 वोट पड़े और मतदान प्रतिशत 74.15 रहा। वहीं वार्ड नंबर-7 में कुल 491 मतदाताओं में से 351 वोट पड़े और यहां 71.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग एवं समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न निकटवर्ती विद्यालयों के साथ समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ नमेष ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ समझौते को औपचारिक रूप प्रदान किया। इस एमओयू के अंतर्गत GSSS Bari Kandrori, GSSS Dahkulara, GSSS Mohtli, GSSS Bogrwan तथा GSSS इंदौरा सहित अन्य विद्यालयों ने भाग लिया। समझौते का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों एवं महाविद्यालय के मध्य शैक्षणिक संसाधनों, अधोसंरचना, पुस्तकालय सुविधाओं, प्रयोगशालाओं, खेल सामग्री तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का साझा उपयोग सुनिश्चित करना है। इसके अलावा विद्यार्थियों एवं अध्यापकों के लिए समय-समय पर कार्यशालाओं, संगोष्ठियों, करियर मार्गदर्शन कार्यक्रमों तथा कौशल विकास गतिविधियों का आयोजन भी संयुक्त रूप से किया जाएगा।प्राचार्य डॉ नमेष ने कहा कि यह समझौता नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। इससे विद्यालयों के विद्यार्थियों को महाविद्यालय की आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा उच्च शिक्षा के प्रति उनका रुझान बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों के बीच आपसी सहयोग से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन एवं मार्गदर्शन प्राप्त होगा। साथ ही शिक्षक वर्ग के बीच भी अनुभवों का आदान-प्रदान होगा, जिससे शिक्षण प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने इस साझेदारी को शिक्षा क्षेत्र के लिए मील का पत्थर बताते हुए भविष्य में भी ऐसे सहयोगात्मक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया। राजकीय महाविद्यालय इंदौरा की यह पहल क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी।
देहरा/शिमला । सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस एससी विभाग के चेयरमैन जीवन कुमार के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। बैठक के दौरान संगठन विस्तार, सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों और ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस बैठक में कांग्रेस एससी विभाग के सभी जिला अध्यक्ष और विभिन्न जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष मदन लाल डोगरा, मंडी से नरोतम राम, ऊना जिला अध्यक्ष बलराम, हमीरपुर से होशियार सिंह और कांगड़ा से रघुवीर सिंह भाटिया सहित कई नेता शामिल रहे। बैठक के दौरान संगठनात्मक ढांचे को बूथ स्तर तक मजबूत करने, अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की पकड़ मजबूत करने को लेकर मंथन किया गया। इस अवसर पर जीवन कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक काफी महत्वपूर्ण रही और संगठन को मजबूत करने के लिए रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि चुनावों के बाद प्रदेश के चार प्रमुख स्थानों पर एससी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से समाज के लोगों को जोड़ने और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेश पंचायत चुनावों के गुरुवार को नामांकन के पहले दिन ग्राम पंचायत परागपुर कार्यालय में कई उम्मीदवारों द्वारा विभिन्न पदों हेतु नामांकन पत्र दाखिल किए गए।वहीं परागपुर ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर 1 से क्षेत्र के सुप्रसिद्ध समाजसेवी व लोगों के सुख दुख में हर समय शामिल होने वाले अनिल वालिया ने वार्ड सदस्य के तौर पर अपना नामांकन भरा। इस अवसर पर उम्मीदवार अनिल वालिया ने कहा कि वार्ड पांच बनने के बाद वे अपने वार्ड का चहुंमुखी विकास करवाएंगे।उन्होंने कहा कि पिछले काफी समय से जो वार्ड नंबर 1 के विकास को ग्रहण लगा हुआ है,वे चुनाव जीतने के बाद सबसे पहले उस ग्रहण को दूर करेंगे और संपूर्ण वार्ड का भरपूर विकास करवाएंगे। विकास कार्यों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि सबसे पहले वे अपने वार्ड में सोलर लाइटें लगवाएंगे व उसके पश्चात सफाई व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करते हुए जो लिंक रोड काफी समय से टूटे हुए हैं उनकी रिपेयरिंग के साथ साथ नए लिंक रोड भी बनवाए जाएंगे।
हिमाचल के कांगड़ा में नशे के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। Himachal Road Transport Corporation (HRTC) की अमृतसर से बैजनाथ जा रही बस से 130.48 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है, मामले में 13 साल के नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। गगल के बनोई पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने बस को रोका और तलाशी ली। नाबालिग के बैग से हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में सामने आया कि नशा अमृतसर में एक रिश्तेदार ने दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क की तलाश जारी
आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस जिला नूरपुर ने बड़ा फैसला लेते हुए सभी लाइसेंसी हथियार धारकों को अपने हथियार तुरंत जमा कराने के निर्देश जारी किए हैं। यह आदेश पुलिस अधीक्षक नूरपुर के निर्देश पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 163 के तहत लागू किया गया है। जारी आदेशों के अनुसार सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों को अपने हथियार और गोला-बारूद नजदीकी पुलिस थाने या अधिकृत आर्म्स डीलर के पास जमा कर रसीद प्राप्त करनी होगी। आदेश का पालन न करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, जिसमें लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि चुनावी माहौल में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर चलने या उनका प्रदर्शन करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। प्रशासन के अनुसार चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नियमों के तहत जमा किए गए हथियार संबंधित धारकों को वापस कर दिए जाएंगे।ऑन-ड्यूटी पुलिस कर्मी, होमगार्ड, अन्य सुरक्षा बलों के जवान तथा विशेष अनुमति प्राप्त बैंक सुरक्षा गार्ड इस आदेश से मुक्त रहेंगे। पुलिस जिला नूरपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव सुनिश्चित किए जा सकें।
नगर परिषद देहरा के चुनावों में वॉर्ड नंबर 2 अमरपुरी से ब्रजेश्वर साकी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। नामांकन से क्षेत्र में चुनावी माहौल गरमा गया है। ब्रजेश्वर साकी देहरा के जाने-माने पत्रकार भी हैं और लंबे समय से सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उन्होंने नगर परिषद से जुड़े कई अहम मुद्दों को बार-बार उजागर किया है। साकी ने नगर परिषद देहरा के पुराने और जर्जर भवन की स्थिति, बस अड्डे की बदहाल हालत और शहर में पार्किंग जैसी मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है। इसके अलावा उन्होंने टुंडक क्षेत्र की उपेक्षा का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि यह इलाका आज भी कई दशकों पीछे है और इसे मुख्यधारा के विकास से जोड़ना बेहद जरूरी है। उनका कहना है कि संतुलित विकास के लिए हर क्षेत्र तक सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। नामांकन के बाद साकी ने कहा कि उनका उद्देश्य वॉर्ड और पूरे देहरा शहर का समग्र विकास करना है। उन्होंने साफ-सफाई, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, बस अड्डे के सुधार, पार्किंग व्यवस्था और उपेक्षित क्षेत्रों के विकास को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रशासन द्वारा सभी औपचारिकताएं पूरी करवाई गईं। वॉर्ड नंबर 2 अमरपुरी में इस बार मुकाबला रोचक होने की संभावना जताई जा रही है, वहीं अन्य प्रत्याशी भी मैदान में हैं, जिससे चुनावी सरगर्मियां लगातार तेज हो रही हैं।
बाबा कांशी राम राजकीय महाविद्यालय, डाडा सीबा में आज कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत कुंता देवी के सेवानिवृत्त होने पर उनके सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ और प्रबुद्धजनों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। समारोह की शुरुआत वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. जतिंदर कुमार द्वारा कुंता देवी एवं उनके साथ आए अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन करने से हुई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्राध्यापकों और स्टाफ सदस्यों ने कुंता देवी की कार्यशैली, अनुशासन और समर्पण भाव की सराहना करते हुए उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए। अपने संबोधन में कुंता देवी ने महाविद्यालय में बिताए समय को याद करते हुए इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। उन्होंने विदाई समारोह के आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय के विकासात्मक कार्यों के लिए 31 हजार रुपये की राशि भी भेंट की। कार्यक्रम का संचालन प्रो. दविंदर सिंह ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव प्रो. रामपाल द्वारा प्रस्तुत किया गया।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ज्वालामुखी में विभागीय आदेशनुसार "एक भारत श्रेष्ठ भारत" कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता तथा मलयालम भाषा में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल की प्रधानाचार्या सोनिया दिवान ने किया। प्रधानाचार्या ने अपने संबोधन में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों तथा कार्यक्रम अधिकारी प्रवेश मेहता और नमिता शर्मा की प्रशंसा की। उन्होंने आगे बताया कि ऐसे कार्यक्रम विधार्थियों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर स्कूल के अन्य अध्यापक भी मौजूद रहे।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेदव्यास परिसर बलाहर में बी.एड. और पीएचडी छात्रों के लिए ‘संस्कृत में अनुसन्धान प्रकल्प’ विषय पर एक विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों को आधुनिक शोध पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नई दिल्ली स्थित विश्वविद्यालय मुख्यालय से आईं संगणकीय भाषाविज्ञान विभाग की सहायकाचार्या डॉ. प्रीति शुक्ला ने शिरकत की। व्याख्यान के दौरान छात्रों को शोधगंगा, शोधसिन्धु, शोधशुद्धी, शोधचक्र औरआईआरएनएस जैसे महत्वपूर्ण शोध प्लेटफॉर्म्स के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही क्रियात्मक, बहुविषयक और अन्तर्विषयक अनुसन्धान की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला गया, जिससे छात्रों को भविष्य के शोध कार्यों के लिए नई दिशा मिली। कार्यक्रम में बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. सत्यदेव, कार्यक्रम संयोजिका डॉ. प्रतिज्ञा आर्या सहित कई प्राध्यापक और शोध छात्र उपस्थित रहे।
इंदौरा स्थित Minerva PG College of Arts Science and Commerce में 28 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर देशभर से आए विद्वानों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार रहे। उन्होंने अपने संबोधन में सम्मेलन की थीम “सतत ग्रह: 21वीं सदी की संभावनाएं और चुनौतियां” पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए सतत विकास की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के संतुलित उपयोग के बिना मानव जीवन की निरंतरता संभव नहीं है। साथ ही, उन्होंने संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित 17 सतत विकास लक्ष्यों एवं 169 लक्ष्यों को वर्ष 2030 तक प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। इसके पश्चात कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष इंजीनियर जरनैल सिंह पटियाल ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य केवल शैक्षणिक चर्चा तक सीमित नहीं है, बल्कि सतत समाज और सतत ग्रह के निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाना है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी के संरक्षण हेतु सभी को मिलकर कार्य करना होगा, तभी इन लक्ष्यों को साकार किया जा सकेगा। सम्मेलन के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्रों का आयोजन किया गया, जिनमें विशेषज्ञों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। प्रो. (डॉ.) आदर्श पाल विग ने “शहरी पर्यावरण: समस्याएं और समाधान – पारंपरिक ज्ञान से सीखने की आवश्यकता” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए पारंपरिक ज्ञान से सीख लेने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं डॉ. एच. एस. बन्याल ने “उत्तर-पश्चिमी हिमालय की मछली विविधता: सतत ग्रह के लिए अवसर और चुनौतियां” विषय पर अपने विचार साझा किए। ओरल प्रेजेंटेशन सत्र की अध्यक्षता प्रो. डॉ. पवन राणा, प्रो. डॉ. राजेश कुमार शर्मा, डॉ. सरिता पठानिया, डॉ. भगवती प्रसाद शर्मा, डॉ. कामाक्षी लुम्बा एवं डॉ. एच. एस. बन्याल द्वारा की गई। पोस्टर प्रेजेंटेशन सत्र की अध्यक्षता प्रो. डॉ. भग चंद चौहान, डॉ. नितेश कुमार तथा डॉ. आशुन चौधरी ने की। तकनीकी सत्र का स्वागत भाषण डॉ. जगदीप वर्मा ने प्रस्तुत किया। इसके उपरांत प्रो. डॉ. पवन राणा ने “उत्तर-पश्चिमी भारतीय हिमालय के वनों को गंभीर क्षति पहुंचाने वाले कीट आक्रमण: चुनौतियां एवं समाधान रणनीतियां” विषय पर मुख्य व्याख्यान देते हुए वनों पर कीटों के बढ़ते प्रभाव और उनके समाधान पर प्रकाश डाला। इनवाइटेड टॉक सत्र की अध्यक्षता प्रो. डॉ. भग चंद चौहान ने की, जिसमें उन्होंने “सतत विकास और प्राचीन भारतीय दृष्टिकोण” विषय पर अपने विचार रखते हुए प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा की प्रासंगिकता को रेखांकित किया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रजनी द्वारा किया गया तथा सम्मेलन की विस्तृत रिपोर्ट डॉ. इंदु ने प्रस्तुत की। इस अवसर पर प्रो. डॉ. दीपक पठानिया ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। इसके पश्चात पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट शोध पत्रों एवं प्रस्तुतियों को सम्मानित किया गया। बेस्ट यंग रिसर्चर अवार्ड नीरज सोनी (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जम्मू) को प्रदान किया गया। ओरल प्रेजेंटेशन श्रेणी में प्रथम पुरस्कार डॉ. रिंकू शर्मा (आईसीएआर-आईवीआरआई क्षेत्रीय केंद्र पालमपुर) को, द्वितीय पुरस्कार डॉ. कमल वाटिका (चंडीगढ़ विश्वविद्यालय) को तथा तृतीय पुरस्कार डिम्पल (बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय) को प्रदान किया गया। पोस्टर प्रेजेंटेशन श्रेणी में प्रथम पुरस्कार अस्मी चोपड़ा को, द्वितीय पुरस्कार चाहत (लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी) तथा तृतीय पुरस्कार अमनदीप (Minerva PG College of Arts Science and Commerce) और मानसी (केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश) को संयुक्त रूप से प्रदान किए गए। अंत में प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने सभी अतिथियों, विद्वानों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमापूर्ण ढंग से किया गया।
नूरपुर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे निरंतर अभियान के अंतर्गत एक व्यक्ति को प्रतिबंधित नशीले पदार्थ के साथ हिरासत में लिया गया है। नियमित गश्त और चेकिंग के दौरान CIA नूरपुर ने कंडवाल पुलिस चौकी के समीप एक संदिग्ध व्यक्ति को जांच हेतु रोका। नियमानुसार ली गई तलाशी के दौरान व्यक्ति के कब्जे से 6.63 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। आरोपी की पहचान अजय दानियाल उर्फ मंजू (उम्र 44 वर्ष), निवासी गांव जेंट, डा° रामनगर दिनी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध NDPS अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध अपनाई गई 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत बीती रात कंडवाल, इंदौरा और मण्ड (Mand) क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक नूरपुर और पुलिस थाना इंदौरा व नूरपुर की टीमों ने मौके पर उपस्थित रहकर दबिश दी और माइनिंग नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा कुल 20 वाहनों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई है। अधीक्षक की उपस्थिति में की गई छापेमारी के दौरान इंदौरा और सीमावर्ती क्षेत्र में 17 भारी मल्टी-एक्सल ट्रकों (Multi-axle trucks) को अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर जब्त किया गया। साथ ही, 01 ट्रैक्टर का नियमों के उल्लंघन हेतु मौके पर चालान किया गया। वही नूरपुर पुलिस की टीम ने प्रभावी नाकाबंदी के दौरान 02 अन्य भारी ट्रकों को कब्जे में लेकर जब्त किया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 19 भारी वाहनों को पुलिस द्वारा जब्त किया गया है। इन सभी वाहनों को खनन और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आगामी वैधानिक कार्रवाई हेतु माननीय अदालत भेजा जा रहा है। एक (01) ट्रैक्टर का मौके पर ही चालान किया गया है। पुलिस अधीक्षक नूरपुर ने निर्देश दिए हैं कि जिला में प्राकृतिक संसाधनों की अवैध निकासी पर अंकुश लगाने हेतु निरंतर गश्त और औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। अवैध खनन के विरुद्ध पुलिस का यह कड़ा रुख भविष्य में भी इसी प्रकार बना रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
इंदौरा विधायक मलेंद्र राजन ने आज क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए पराल से भोगरवां मार्ग पर दो महत्वपूर्ण पुलों का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने 64 मीटर स्पैन के पुल, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 2.50 करोड़ रुपये है, तथा 30 मीटर स्पैन के पुल, जिसकी लागत लगभग 2 करोड़ रुपये है, के निर्माण कार्य की शुरुआत करवाई। उन्होंने कहा कि हाल ही में आई बाढ़ के कारण कई मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इन परिस्थितियों को देखते हुए इन पुलों का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। विधायक ने कहा कि त्यौड़ा पत्तन पुल तथा ठाकुरद्वारा-मलकाना पुल को भी प्राथमिकता के आधार पर लिया गया है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल प्रभावित क्षेत्रों में संपर्क बहाल होगा, बल्कि स्थानीय लोगों की दैनिक आवाजाही भी सुगम हो सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और गुणवत्ता के साथ-साथ समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने बताया कि मंड-बरोटा सड़क का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और इसे शीघ्र पूरा करने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है। इस सड़क के पूर्ण होने से क्षेत्र के कई गांवों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने जानकारी दी कि बाईं इंदौरिया से मंड होते हुए पराल तक जाने वाली सड़क, जो बाढ़ के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, अब पूरी तरह दुरुस्त कर दी गई है। इस मार्ग के पुनर्निर्माण से स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिली है और अब आवागमन पहले की तरह सुचारु रूप से शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि मिलवां से बरोटा सड़क का निर्माण कार्य लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जो लंबे समय से क्षेत्र की एक प्रमुख मांग रही है। इस अवसर पर विधायक ने प्रदेश सरकार की जनहितैषी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। सड़क, पुल और अन्य आधारभूत ढांचे के विकास के माध्यम से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर ओबीसी सेल के अध्यक्ष केवल कृष्ण, चिराग युवक मंडल के प्रधान सतिंदर गुलेरिया, पराल की पूर्व प्रधान परकाशो देवी,पूर्व उप प्रधान अरुण कुमार, मलकाना के पूर्व प्रधान तारा चंद, पूर्व उप प्रधान राम कुमार, लोक निर्माण विभाग के एसई महिंदर पाल धीमान, एक्सईएन दीपक महाजन, किसान मोर्चा से राजेश स्किंटू, गगन , पूर्व वार्ड सदस्य रूप लाल, सनौर के पूर्व उप प्रधान कश्मदीन तथा मलकाना से नरेंद्र कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इंदौरा स्थित मिनर्वा पी.जी. कॉलेज ऑफ आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स में “21वीं सदी: अवसर और चुनौतियां” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य “सस्टेनेबल प्लेनेट” की अवधारणा को केंद्र में रखते हुए 21वीं सदी में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन तथा संयुक्त राष्ट्र के 17 सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) को प्राप्त करने की दिशा में अवसरों और चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना रहा। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. एस. के. मेहता (पूर्व कुलपति, लद्दाख विश्वविद्यालय) उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. बलबीर सिंह कैथ (एनआईटी जालंधर) शामिल हुए। मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) डी. आर. ठाकुर (निदेशक, एचआरडीसी, एचपीयू शिमला) ने अपने संबोधन में वर्तमान समय में सतत विकास की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर प्रो. दीपक पठानिया (अध्यक्ष, एचएससीए), प्रो. (डॉ.) सुनील कुमार (सीयूएचपी धर्मशाला), प्रो. (डॉ.) राजेश कुमार शर्मा (उपाध्यक्ष, एचएससीए, एसपीयू मंडी), डॉ. आर. के. नेगी (अध्यक्ष, बायोसाइंसेज, एचपीयू शिमला), डॉ. राकेश कुमार (सचिव, एचएससीए), डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. अशोक कुमार, प्रो. जगदीप वर्मा एवं डॉ. सरिता पठानिया सहित अनेक गणमान्य शिक्षाविदों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त डॉ. सचिन उपमन्यु, डॉ. सुनील कुमार (एचपीयू शिमला), डॉ. मनोज कुमार, डॉ. दिलजीत, डॉ. कामाक्षी लुंबा, डॉ. अरुप गिरी, डॉ. यूनिश अहमद हाजम तथा डॉ. नितेश कुमार सहित विभिन्न संस्थानों के शिक्षकों एवं शोधार्थियों की उपस्थिति ने सम्मेलन की गरिमा को और बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान मिनर्वा ग्रुप ऑफ कॉलेज के चीफ पैट्रन डॉ. गोपाल सक्सेना की पुस्तक “Indian Education System” का लोकार्पण किया गया, जो सम्मेलन का विशेष आकर्षण रहा। प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जरनैल सिंह पटियाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आज की 21वीं सदी “सस्टेनेबल प्लेनेट” की अवधारणा पर आधारित है, जहां जलवायु परिवर्तन एक गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं और ऐसे सम्मेलन विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को नई दिशा प्रदान करते हैं। सम्मेलन में मेहक शर्मा (सरकारी डिग्री कॉलेज नूरपुर) और हर्ष कटोच (सरकारी सुग भटोली) को 11,000 रुपये की ‘चोफला अवार्ड’ छात्रवृत्ति प्रदान की गई। यह पुरस्कार Vele’s Food Private Limited के प्रबंध निदेशक द्वारा अपने माता-पिता की स्मृति में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 12वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने हेतु प्रदान किया जाता है। सम्मेलन के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें देशभर के विश्वविद्यालयों के प्रोफेसरों द्वारा शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। साथ ही मॉडल प्रस्तुति प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में रिधिमा एवं संयमदीप (सेक्रेड कैम्ब्रिज स्कूल, गनोह), संयमदीप व रिया (राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाह कुलारा), शौर्य डोगरा एवं शिवांगी कटोच (प्रताप वर्ल्ड स्कूल, इंदौरा), वंश (श्री निखिलेश्वर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवोठी), शिवांगी, भूमि एवं प्रद्युमन (लोटस पब्लिक स्कूल) तथा आदर्श (पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरकाघाट) सहित अनेक विद्यार्थियों ने भाग लिया। मॉडल प्रस्तुति प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रिया (राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाह कुलारा), द्वितीय स्थान वंश (श्री निखिलेश्वर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवोठी), तृतीय स्थान संयमदीप (सेक्रेड कैम्ब्रिज स्कूल, गनोह) तथा चतुर्थ स्थान शिवांगी कटोच (प्रताप वर्ल्ड स्कूल, इंदौरा) ने प्राप्त किया। विजेताओं को क्रमशः 5000, 3000, 2000 और 1000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त सम्मेलन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के विभिन्न शिक्षण एवं शोध संस्थानों जैसे बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय (रोहतक), इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जम्मू, अर्नी विश्वविद्यालय कांगड़ा, पंडित सुशील रतन राजकीय महाविद्यालय ज्वालामुखी, आईसीएआर-आईवीआरआई पालमपुर, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, सीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला, केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू, सीयूएचपी धर्मशाला, एसपीयू मंडी, सरकारी डिग्री कॉलेज इंदौरा सहित अनेक संस्थानों के 100 से अधिक शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। यह दो दिवसीय सम्मेलन आगामी सत्रों में विभिन्न शोध पत्रों की प्रस्तुति और विचार-विमर्श के साथ जारी रहेगा, जिसमें देशभर से आए विशेषज्ञ अपने अनुभव और शोध के माध्यम से प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर बलाहर में सी एस यू स्पोर्ट्स इंटर्नशिप ड्राइव के अंतर्गत “हेल्थ एंड फिजिकल हेल्थ असेसमेंट” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला काआयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो श्रीनिवास बरखेड़ी के मार्गदर्शन एवं परिसर निदेशक प्रो सत्यम कुमारी के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल समन्वयन यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर बलाहर के निदेशक(प्रभार)डॉ गौतम चौधरी द्वारा किया गया। जानकारी देते हुए डॉ गौतम कुमार चौधरी ने बताया कि इस कार्यशाला में लगभग 100 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को स्वास्थ्य एवं शारीरिक फिटनेस के विभिन्न आकलन परीक्षणों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में स्पोर्ट्स प्रतिभागियों की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह कार्यशाला विद्यार्थियों व परिसर के स्टाफ में फिटनेस जागरूकता बढ़ाने एवं खेलों के प्रति रुचि विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई। इस अवसर पर परिसर के समस्त शिक्षक,कर्मचारी एवं छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
नगरोटा बगवां से विधायक एवं पर्यटन विभाग के चेयरमैन आर.एस. बाली को धर्मशाला नगर निगम चुनावों के लिए पार्टी द्वारा इंचार्ज नियुक्त किए जाने पर युवा कांग्रेस कांगड़ा के जिला उपाध्यक्ष शुभम नागला ने हार्दिक बधाई दी है। शुभम नागला ने कहा कि आर.एस. बाली के पास संगठनात्मक अनुभव और मजबूत नेतृत्व की क्षमता है, जिसका लाभ निश्चित रूप से पार्टी को आगामी नगर निगम चुनावों में मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बाली के नेतृत्व में पार्टी धर्मशाला में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और प्रचंड जीत हासिल करेगी। उन्होंने आगे कहा कि युवा कांग्रेस पूरी तरह से पार्टी के साथ खड़ी है और चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन को मजबूत करने का काम करेगी।
दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल सुनहेत में "अर्थ डे" बड़े ही हर्षो उल्लास के साथ मनाया गया। इस खास अवसर पर विद्यार्थियों के लिए रोचक और शिक्षाप्रद गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्रों ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सुंदर एवं जागरूकता फैलाने वाले पोस्टर बनाए। इसके अलावा, स्कूलों द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें बच्चों ने हाथों में तख्तियां और स्लोगन लेकर लोगों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। रैली के माध्यम से स्वच्छता, पेड़-पौधों के महत्व और प्रदूषण कम करने के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों ने वृक्षारोपण भी किया और अपने स्कूल परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाए। इस दौरान प्रधानाचार्य गुंजन परमार ने विद्यार्थियों को पेड़ों के महत्व और प्रकृति के संरक्षण के बारे में जानकारी दी। इस प्रकार, "अर्थ डे" के अवसर पर आयोजित इन सभी गतिविधियों ने बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना को मजबूत किया और सभी ने मिलकर धरती को सुरक्षित और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।
नूरपुर पुलिस जिला के अंतर्गत नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ग्राम पंचायत इंदपुर के पंचायत घर में नशा निवारण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम इंदौरा सुरिंदर ठाकुर ने की, जबकि एसडीपीओ इंदौरा संजीव कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान ग्राम पंचायत इंदपुर नशा निवारण समिति की अध्यक्षा अंजू कुमारी (मुख्याध्यापक, राजकीय उच्च पाठशाला इंदपुर) सहित समिति के अन्य सदस्यों और क्षेत्र के लगभग 40-50 लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बैठक में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, जिससे लोग बिना किसी डर के आगे आकर सहयोग कर सकें। इसके अलावा, सरकार द्वारा नशा माफिया के खिलाफ सूचना देने वालों के लिए चलाई जा रही विभिन्न इनामी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। स्थानीय निवासियों ने भी नशे के उन्मूलन के लिए अपने सुझाव दिए और प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी इंदौरा ने बताया कि बैठक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और सभी ने क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इंदौरा विधायक मलेंद्र राजन ने अपना जन्मदिन इस बार एक अलग और प्रेरणादायक अंदाज़ में मनाया। उन्होंने अपना विशेष दिन विशेष बच्चों के बीच बिताते हुए समाजसेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने बच्चों के साथ केक काटा और उन्हें उपहार वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने अपने निजी खर्च से लगभग 90 बच्चों को एक-एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही 10 जरूरतमंद लड़कियों को सिलाई मशीनें भेंट की गईं, जबकि 2 युवा क्लबों को क्रिकेट किट भी दी गई। विधायक मलेंद्र राजन ने इस मौके पर बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग की सेवा करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले तीन महीनों में विशेष बच्चों के लिए फिजियोथेरेपी कैंप आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया जाएगा। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी विधायक का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनकी इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दविंदर मनकोटिया, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता कटोच, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विजेंद्र पठानिया, एससी सेल अध्यक्ष राजकुमार, ओबीसी सेल अध्यक्ष केवल कृष्ण, पूर्व जिला परिषद सदस्य परवीन कुमार, वजिंदर कंवर, पोंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा, बीईपीओ किरण बाला तथा हैंडीकैप्ड एसोसिएशन के प्रधान तरसेम सहित कई लोग उपस्थित रहे।
विधायक मलेंद्र राजन ने वीरवार को ग्राम पंचायत मंड मियानी में “आपका विधायक आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत पंचायत वासियों से जनसंवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा विकास कार्यों को गति देना है। इसी के तहत वे स्वयं पंचायतों में जाकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में आई बाढ़ से क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ था, जिसे सरकार के समक्ष उठाया गया है। बाईं इंदौरिया से मंड होते हुए पराल तक जाने वाली सड़क, जो बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी, अब दुरुस्त कर दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि बाढ़ के कारण बह गए रास्तों की बहाली के लिए शीघ्र ही दो नए पुलों का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें पराल से भोगरवां मार्ग पर 64 मीटर स्पैन का पुल लगभग 2.25 करोड़ रुपये तथा 30 मीटर स्पैन का पुल लगभग 1.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा। त्यौड़ा पत्तन पुल तथा ठाकुरद्वारा- मलकाना पुल को प्राथमिकता में रखा गया है। वहीं मंड-बरोटा सड़क का निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है और शीघ्र ही पूरा किया जाएगा। विधायक ने बताया कि खड्ड किनारे सुरक्षा दीवार (धुस्सी) निर्माण की मांग को ध्यान में रखते हुए डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए सरकार को भेजी गई है, ताकि भविष्य में रिहायशी क्षेत्रों को बाढ़ से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बस सुविधा की मांग को भी शीघ्र पूरा किया जाएगा तथा 5 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखा गया है। विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देते हुए गेहूं, मक्की और हल्दी के समर्थन मूल्य को क्रमशः 80 रुपये,50 रुपये और 150 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है, जबकि अदरक की खरीद भी 30 रुपये के समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही पशुपालन को प्रोत्साहित करते हुए भैंस व गाय के दूध के समर्थन मूल्य को 71 रुपये व 61 रुपये निर्धारित किए गए हैं, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि ढगवार में लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों को मशीनें उपलब्ध करवाई जा रही हैं और उनके उत्पादों की बिक्री के लिए डमटाल स्थित दुर्गा माता मंदिर परिसर व बीडीओ कार्यालय में दुकानों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर सहित अन्य सभी जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए “व्यवस्था परिवर्तन” के ध्येय के तहत सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर पूर्व प्रधान कश्मदीन, दिनेश शर्मा, पूर्व उपप्रधान शेर अली, पूर्व प्रधान बसंतपुर कुलदीप सिंह, लक्ष्मण दास, हनीफा बीबी, गोल्डी, लाल चंद, बीडीओ सुदर्शन सिंह, एसडीओ विद्युत शंकर दयाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
धर्मशाला के रक्कड़ क्षेत्र में नवजीवन फाउंडेशन एनजीओ द्वारा देश के प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी का जन्मदिन सामाजिक सेवा, सहयोग और मानवता के संदेश के साथ बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस आयोजन में स्थानीय लोगों, युवाओं और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विधायक ने युवाओं को टी-शर्ट्स भेंट कर अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और सेवा भाव को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम का आयोजन नवजीवन फाउंडेशन की अध्यक्षा शकुन के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि संस्था समाज के हर वर्ग के लिए कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रहेंगे। अन्नपूर्णा सेवा के अंतर्गत सभी के लिए पारंपरिक भोजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। सराह गौशाला में सभी पशुओं के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई, जिससे गौ सेवा का भी संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त, दाड़ी क्षेत्र में वृद्धाश्रम के वृद्धजनों को फल वितरित किए गए तथा उनकी मांग के अनुसार उनके लिए आरामदायक झूले एवं फ्लाई ट्रैप लगाने की घोषणा भी की गई, जिससे उन्हें बेहतर सुविधा और स्वच्छ वातावरण मिल सके।
हिमाचल प्रदेश में सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सक्षम (Saksham) संगठन के जम्मू-कश्मीर एवं हिमाचल प्रांत के प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस प्रतिनिधिमंडल में अभय परगल (राष्ट्रीय सह सचिव सक्षम,भारत) तथा स्वामी विश्वनाथन क्षेत्र संगठन मंत्री सक्षम प्रचारक आर.एस.एस, रूप से शामिल रहे और अजय परगाल सक्षम के प्रांत कार्यकरणी सदस्य उनके साथ सक्षम हिमाचल के उपाध्यक्ष प्रो.डॉ. महेंद्र सिंह आशावत भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सक्षम संगठन के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की। विशेष रूप से दिव्यांगजनों की क्षमताओं को विकसित करने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं और पहलों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सुझाव रखा कि राज्य स्तर पर समन्वित प्रयासों के माध्यम से दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु नई योजनाएं लागू की जाएं, जिससे उन्हें अधिक से अधिक सहायता और अवसर मिल सकें।
वन विभाग की टीम ने मंगलवार को वन परिक्षेत्र इंदौरा के अंतर्गत चल रही एक क्षेत्र आरा मशीन इकाई का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी इंदौरा अब्दुल हमीद के नेतृत्व में गई विभिन्न बीट्स के वन रक्षकों व वन मित्रों की टीम द्वारा आज लगभग 11:30 बजे अमल में लाई गई। वन मंडल अधिकारी नूरपुर संदीप कोहली ने बताया कि आर.ओ. इंदौरा अपनी विभागीय टीम सहित क्षेत्र में वन कटान की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु गुप्त अभियान पर थे, इस दौरान उन्होंने केवल सिंह पुत्र वकील सिंह, निवासी गाँव व डाकघर बरंडा, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा द्वारा संचालित आरा मशीन ईकाई पर छापा मारा। इस औचक निरीक्षण के दौरान उपरोक्त व्यक्ति की आरा मशीन पर पड़ी लकड़ी से संबंधित दस्तावेज़ पेश करने के लिए कहा गया। इस दौरान वहाँ पाई गई लकड़ी व आरा मशीन रजिस्टर की जाँच करने पर कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं। उन्होंने बताया कि आरा मशीन पर पाई गई लकड़ी का विवरण आरा मशीन रजिस्टर में नहीं पाया गया। यही नहीं आरा मशीन पर पाई गई लकड़ी पर किसी भी तरह का विभागीय टंकण अथवा हैमरिंग नहीं पाई गई। मौका पर आम के 17, जामुन के 8, शीशम के 16, तमन के 10, सफेदा के 41, तुनी के 3, बहेड़ा के 58, क्रैंबल का 1, लसूनी के 15, सीरस के 7 व सागवान के 13 मौच्छों सहित 189 मौच्छे पाए गए, जिनका विवरण आरा मशीन रजिस्टर में नहीं पाया गया। जिस पर उक्त आरा मशीन, आरा मशीन ट्रॉली व उक्त लकड़ी को अनिश्चितकाल तक के लिए सीज कर दिया गया।
ब्लॉक कांग्रेस इंदौरा के निवर्तमान अध्यक्ष दविंद्र मनकोटिया ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी अब मेलों और त्यौहारों जैसे सांस्कृतिक आयोजनों का भी राजनीतिकरण कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा विभाजन की राजनीति करती आई है और अब उसका स्तर इतना गिर गया है कि वह सांस्कृतिक मंचों का भी इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर रही है। मनकोटिया ने यह बयान इंदौरा में बैसाखी पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व मंत्री राकेश पठानिया और पूर्व विधायक रीता धीमान द्वारा इंदौरा के विधायक पर की गई कथित टिप्पणियों के जवाब में दिया। उन्होंने कहा कि इंदौरा के विधायक ने हमेशा मेलों और त्योहारों को सांस्कृतिक विरासत के रूप में देखा है। इसी सोच के तहत उन्होंने इंदौरा उत्सव की शुरुआत कर उसे जिला स्तरीय उत्सव का दर्जा दिलाया। इसके अलावा श्री क्यालू बाबा छिंज मेला गंगथ को भी जिला स्तर तक पहुंचाया गया। मनकोटिया ने भाजपा नेताओं के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह कहना कि विधायक ने बैसाखी कार्यक्रम में बाधा डाली, पूरी तरह निराधार है। उन्होंने कहा कि विधायक मलेंद्र राजन उस समय पार्टी के कार्यों के चलते क्षेत्र में मौजूद नहीं थे, जिसकी जानकारी स्थानीय लोगों को भी है। उन्होंने आगे कहा कि इस बार इंदौरा में आयोजित बैसाखी कार्यक्रम सांस्कृतिक और जनसमर्पित होने की बजाय भाजपा का कार्यक्रम बनकर रह गया। मनकोटिया ने आयोजकों से अपील की कि सामाजिक समरसता के ऐसे आयोजनों को राजनीति का अखाड़ा बनाने के बजाय प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के उद्देश्य से आयोजित किया जाना चाहिए।
“मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है” के मूल मंत्र को अपनाते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाथू टिप्परी में 1996 बैच के दसवीं कक्षा के पूर्व छात्रों द्वारा पांचवें रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में 70 से अधिक रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर की विशेष बात यह रही कि नारी शक्ति ने भी इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। कुल 6 महिलाओं ने रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायक संदेश दिया। इस आयोजन में प्रमुख रूप से राकेश कुमार, चमेल सिंह, अनिल कुमार, संजय कुमार, आशीष कुमार, विजय कुमार, सुशील कुमार एवं रविंद्र सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने रक्तदान करने वाले सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए मानवता की सेवा में उनके योगदान की सराहना की। शिविर में कांगड़ा से आए बुद्ध ट्रस्ट के सदस्यों का भी विशेष सहयोग रहा, जिनके प्रति आयोजकों ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ ही विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। यह रक्तदान शिविर समाज सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया गया।
मुबारिकपुर-भरवाई रोड पर रविवार को एक सड़क दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। गनीमत यह रही कि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस धर्मशाला से होशियारपुर की ओर जा रही थी। जब बस सिद्ध चलेहड़ मार्ग पर पहुँची, तो अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। इसी दौरान अनियंत्रित बस ने श्रद्धालुओं की खड़ी एक गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए बस को पास की पहाड़ी से टकराकर रोक दिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी होने से बच गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। पहाड़ी से जोरदार टक्कर के कारण बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल अंब पहुँचाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गई और मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
कथोग स्थित लॉरेट फार्मेसी संस्थान के छात्रों का राष्ट्रीय स्तरीय जीपैट परीक्षा 2026 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। यह राष्ट्रीय स्तरीय जीपैट परीक्षा हर साल फार्मेसी में मास्टर स्तर के कोर्स तथा डॉक्टरेट में दाखिला लेने के लिए भारत की आयुर्विज्ञान में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जाती है। संस्थान के निदेशक एवं प्रधानाचार्य डॉ. एम. एस. आशावत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस साल संस्थान के चार छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तरीय जीपैट परीक्षा 2026 की मेरिट सूची में शामिल हुए, जिनमें नैनिका चिब, अनुराग धीमान, कोमल कुमारी और निशांत ने मेरिट में स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया। छात्रों की इस कामयाबी से लॉरेट संस्थान के प्रबंध निदेशक डॉ. रण सिंह ने छात्रों का उत्साह बढ़ाने के लिए संस्थान की ओर से प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर विभिन्न विभागाध्यक्षों में प्रो. डॉ. विनय पंडित, प्रो. डॉ. सीपीएस वर्मा, प्रो. डॉ. अमरदीप, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. शिव कुमार और सभी शिक्षकों ने चयनित छात्रों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस राष्ट्रीय स्तरीय जीपैट परीक्षा के आधार पर छात्र-छात्राओं को मास्टर डिग्री कोर्स तथा फार्मेसी में डॉक्टरेट के लिए फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा 2,98,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए अभियान के तहत दो युवकों को 262 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार (20 वर्ष), पुत्र कृष्ण लाल, निवासी गांव लाहड़ डक्करा, तहसील सिहुंता, जिला चंबा तथा शिवानी (24 वर्ष), निवासी गांव समलेह, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा को कच्ची मोड़ के पास संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 262 ग्राम चरस बरामद हुई। दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ पुलिस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। इसकी पुष्टि एस पी कांगड़ा अशोक रत्न ने की है।
हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान, पालमपुर (हिमाचल प्रदेश) में 10 अप्रैल 2026 को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। “हिमालय से जैव-अर्थव्यवस्था: प्रयोगशालाओं, भूमि और उद्योग को जोड़ना” विषय पर आधारित इस कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एक साझा मंच प्रदान करना है। संस्थान के अनुसार, कार्यशाला में किसानों, विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और उद्योगपतियों को एक साथ लाकर विचार-विमर्श और सहयोग के नए अवसर विकसित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में 150 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों के लिए संस्थान का प्रयोगशाला भ्रमण भी आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही संस्थान द्वारा विकसित जैव-आधारित प्रौद्योगिकियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे प्रतिभागियों को नवीन अनुसंधान और तकनीकों की जानकारी मिल सकेगी।
कांगड़ा में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां स्कूल में एडमिशन करवाकर लौट रहे एक मासूम बच्चे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 11 वर्षीय ऋषभ पटियाल जो गांव धनोट का रहने वाला था, अपनी मां सुलोचना देवी के साथ भडोली स्थित कुटियारा स्कूल में छठी कक्षा में एडमिशन करवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पार करते समय धर्मशाला से नादौन की ओर जा रही एक टैक्सी ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के साथ मिलकर उसे देहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। ज्वालामुखी पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। बताया जा रहा है कि टैक्सी चालक ने घटना के बाद खुद ही पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। मामले की पुष्टि एसपी देहरा मयंक चौधरी ने की है।
बुधवार रात 8.40 के आस पास वोल्वो बस के चालक पर हुए जानलेवा हमले में चालक लहूलुहान हो गया है। जानकारी के मुताबिक थुरल से करीब सात किलोमीटर दूर बैरघट्टा नामक स्थान एक थार गाड़ी में सवार चार युवक जो पंजाब के बताए जा रहे हैं, जिन्होंने कथित तौर पर वोल्वो बस को रोक कर एकदम से चालक को खींच कर चाकू के साथ वार कर दिया, साथ ही पिस्टल भी तान दी। चालक ने घायल अवस्था में ही गाड़ी से एकदम उतर कर थार गाड़ी की चावी निकाल ली उतने में ही स्थानीय लोग इकट्ठे हो गए और आरोपियों को पकड़ लिया। वोल्वो बस के चालक को स्थानीय लोगों द्वारा सिविल अस्पताल थुरल में इलाज के लिए पहुंचाया गया है, जहां पर चिकित्सकों द्वारा घायल हुए चालक का उपचार कर चालक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे टांडा मैडीकल कालेज रैफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।आरोपियों के पास से चाकू, पिस्टल, और चिट्टा बरामद किया गया। थार गाड़ी को पुलिस ने सीज कर दिया है।
संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त जिला अध्यक्षों के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशों पर धर्मशाला में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 से 30 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पंजाब और जम्मू-कश्मीर के जिला अध्यक्ष भी भाग लेंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी मुख्य रूप से शामिल होंगे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने बुधवार को शिमला स्थित प्रदेश पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में मीडिया से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशिक्षण के दौरान जिला अध्यक्ष विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों से संवाद भी करेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण और किन्नौर के जिला अध्यक्षों की नियुक्ति कार्यक्रम से पहले कर दी जाएगी, ताकि वे भी इसमें शामिल हो सकें। उन्होंने आगे बताया कि कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन हो चुका है और एक-दो दिनों में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां भी कर दी जाएंगी। इसके बाद जिला कमेटियों के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर विनय कुमार ने कहा कि ये चुनाव पार्टी के लिए सेमीफाइनल की तरह हैं, क्योंकि अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी इन्हें गंभीरता से ले रही है। जिला परिषद के लिए उन्हीं उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो पार्टी की विचारधारा से जुड़े हों। यदि किसी क्षेत्र में एक से अधिक दावेदार सामने आते हैं, तो उनके बीच समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल है। मुख्यमंत्री द्वारा पेश बजट में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। साथ ही, आगामी नगर निगम चुनावों के लिए मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, जिसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है।


















































