कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चाहड़ी गांव में एक कन्फैक्शनरी (किराना) की दुकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मंगलवार (7 अप्रैल) को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चाहड़ी निवासी अमर नाथ शर्मा अपनी दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान दुकान के भीतर छिपाकर रखी गई कुल 10 पेटियां शराब बरामद हुईं। इनमें 9 पेटियां देसी शराब (कुल 108 बोतलें, मार्का– VRV संतरा, 81,000 एमएल) और 1 पेटी अंग्रेजी शराब (12 बोतलें, मार्का– ब्लेंडर प्राइड और आफ्टर डार्क, 9,000 एमएल) शामिल हैं। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी अमर नाथ शर्मा के खिलाफ पुलिस थाना नगरोटा बगवां में अभियोग संख्या 40/2026 के तहत हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। अशोक रतन ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
विधायक मलेंद्र राजन ने आज ग्राम पंचायत पलाख में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित स्टेडियम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है, ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बन सकें। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर हों। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि अनुशासन और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं, इसलिए अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। विधायक मलेंद्र राजन ने इस दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि सड़कों के सुधार कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। घडरां–मौकी–रेहन सड़क का निर्माण लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी और आवागमन सुगम बनेगा। उन्होंने बताया कि मौकी में लगभग 10.5 करोड़ रुपये की लागत से 33 केवी विद्युत सब-स्टेशन का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इस सब-स्टेशन के बनकर तैयार होने से आसपास के क्षेत्रों में बार-बार होने वाली बिजली कटौती, ट्रिपिंग और तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, खेल तथा आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसके उपरांत विधायक ने गोस्वामी गुरु नाभा दास जी का 490वां प्रकाश उत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने गुरु जी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके विचार समाज को एकता, सेवा और सद्भावना का संदेश देते हैं। उन्होंने नाभा दास कमेटी द्वारा स्टोर निर्माण की मांग को उचित बताते हुए आश्वासन दिया कि इसके लिए शीघ्र ही धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। इस अवसर पर विधायक ने अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में बीडीओ सुदर्शन सिंह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दविंदर मनकोटिया, पोंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा व विशाल ठाकुर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष वजींदर पठानिया, स्वदेश सोनू, पूर्व प्रधान जनकराज शर्मा, पूर्व उप-प्रधान जगन्नाथ, दलगीर सिंह, सेवा दल अध्यक्ष विनय पठानिया, पूर्व वार्ड सदस्य रवि कांत, पूर्व उप-प्रधान सुमन, सूरज चौधरी, नाभा दास कमेटी के प्रधान रशपाल सिंह, उप-प्रधान अमित, सदस्य रमेश बिट्टू, पूर्व बीडीसी कुनाल पठानिया सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की खंड स्तरीय मूल्यांकन एवं समीक्षा बैठक विधायक मलेंद्र राजन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में महिला एवं बाल विकास कार्यालय तथा तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ स्कूलों व कॉलेज के प्रिंसिपल भी उपस्थित रहे, ताकि विद्यालय स्तर पर बच्चों एवं अभिभावकों तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सके। बैठक में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना, मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, अंतरजातीय विवाह योजना, दिव्यांग छात्रवृत्ति सहित अन्य योजनाओं के तहत दिए जा रहे लाभों पर चर्चा की गई। विधायक ने बताया कि स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को गृह निर्माण हेतु 1.50 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 51,000 रुपये तथा मुख्यमंत्री शगुन योजना के अंतर्गत बीपीएल परिवारों को 31,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके अतिरिक्त युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट एवं कोचिंग हेतु भी अनुदान उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के तहत अनाथ एवं निराश्रित बच्चों के भरण-पोषण, शिक्षा व देखभाल की जिम्मेदारी सरकार द्वारा उठाई जाती है, जिसमें मासिक आर्थिक सहायता के साथ गृह निर्माण, शिक्षा व स्वरोजगार हेतु अनुदान भी दिया जाता है। वहीं मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना के अंतर्गत निराश्रित महिलाओं के बच्चों एवं अनाथ बच्चों को शिक्षा व पालन-पोषण के लिए मासिक आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से 2026 के दौरान स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत 40 लाभार्थियों को प्रति लाभार्थी 1.50 लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत वर्ष 2023 से अक्टूबर 2025 तक 3,203 लाभार्थियों को मासिक पेंशन दी गई। अंतरजातीय विवाह योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में 23 लाभार्थियों को 11 लाख पचास हजार प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, जबकि दिव्यांग छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत दो वर्षों में 105 लाभार्थियों को 8.75 लाख रुपये की सहायता दी गई। इसी प्रकार मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत वर्ष 2023-24 में 24 लाभार्थियों को 31,000 रुपये प्रति लाभार्थी की दर से सहायता प्रदान की गई, जबकि मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के अंतर्गत इस वित्त वर्ष में 6 लाभार्थियों को गृह निर्माण हेतु 3 लाख रुपये तक का अनुदान दिया गया। बेटी है अनमोल योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में 42 लाभार्थियों को लगभग 8.73 लाख रुपये,छात्रवृत्ति योजना के तहत 440 लाभार्थियों को 4.65 लाख रुपये,शगुन योजना के तहत 3 वर्ष में 200 लाभार्थियों को 62 लाख ,कन्यादान योजना के तहत 107 लाभार्थियों को लगभग 55 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर विधायक ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं का ग्राम सभाओं एवं शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति इनका लाभ उठा सकें और समाज के कमजोर वर्गों का सशक्तिकरण हो सके।उन्होंने सभी प्राचार्यों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को इन योजनाओं के बारे में जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इनका लाभ उठा सकें और समाज के कमजोर वर्गों का सशक्तिकरण हो सके। बैठक में एसडीएम डॉ सुरेंद्र ठाकुर, बीडीओ सुदर्शन सिंह, तहसील कल्याण अधिकारी अनूप सिंह,सीडीपीओ सुनीत कुमार तथा सभी स्कूलों एवं कॉलेजों के प्रिंसिपल उपस्थित रहे।
इंदौरा विधायक मलेंद्र राजन ने सोमवार को खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में नए भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा शिक्षा के क्षेत्र में लिए गए क्रांतिकारी निर्णयों के सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या शून्य या अत्यंत कम थी, उन्हें यथावत चलाए रखना तर्कसंगत नहीं था, जबकि जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक थी, वहां मूलभूत सुविधाओं और स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए सरकार द्वारा प्रभावी कदम उठाए गए है। विधायक ने कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने के निर्णय को भी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इंदौरा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और विकास एक सतत प्रक्रिया है, जिसे गति देने के लिए सरकार हर संभव कदम उठा रही है। इस दौरान उन्होंने शिक्षक भवन के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि के चयन के लिए उपमंडलाधिकारी को आवश्यक निर्देश भी दिए, ताकि इसके लिए पर्याप्त बजट प्रावधान सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष दविंदर मनकोटिया, पूर्व प्रत्याशी मास्टर कमल किशोर, पोंग बांध निदेशक विशाल ठाकुर, पोंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा, पूर्व प्रधान लाला गुलशन, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष वजिंदर पठानिया, पूर्व प्रधान जीवन सिंह, पूर्व उपप्रधान रंजीत पठानिया, सुरजीत कटोच, उमा कांत सूदेन, अनिल कटोच, नरेंद्र शर्मा, सूरज चौधरी, नीरज कुमार सहित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी किरण बाला, विधायक की धर्मपत्नी अंजू बाला, एस.डी.एम. सुरेंद्र ठाकुर, बी.डी.ओ. सुदर्शन सिंह, डी.एस.पी. संजीव यादव तथा एस.डी.ओ. शंकर दयाल सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर देहरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. सुकृत सागर द्वारा पार्टी से जुड़े वरिष्ठ एवं ज्येष्ठ कार्यकर्ताओं के घर-घर जाकर उन्हें सम्मानित किया गया। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं सहित उन्होंने भाजपा के वयोवृद्ध 96 वर्षीय कार्यकर्ता उत्तम तथा पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता गिरधर विशिष्ट को उनके निवास स्थान पर जाकर सम्मानित किया। इस मौके पर डॉ. सुकृत सागर ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके पुराने और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। उनका सम्मान भाजपा के संस्कारों में है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी ऐसे सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता, जो अब आयु अधिक होने अथवा स्वास्थ्य कारणों से सक्रिय नहीं हैं, उनका सम्मान किया जाएगा और उनके अनुभवों से सीख लेकर संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा।
विधायक मलेंद्र राजन ने मंगलवार को स्थानीय वन विश्राम गृह में जरूरतमंद लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस दौरान 61 पात्र लोगों को 16 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और विशेषकर स्वास्थ्य क्षेत्र में गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग को आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष से मिलने वाली यह सहायता लोगों के जीवन में संजीवनी का कार्य करती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति तथा स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसके साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को लाभ दिया जा रहा है। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी जरूरतमंद इलाज के अभाव में पीड़ित न रहे। उन्होंने लाभार्थियों से आग्रह किया कि वे इस सहयोग का सदुपयोग कर शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करें। इस अवसर पर एसडीएम डॉ सुरेंद्र ठाकुर,पोंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा व विशाल ठाकुर,पूर्व उपप्रधान ठाकुर राणा प्रताप ,पूर्व प्रधान सूरजपुर चंदर देव,पूर्व प्रधान तारा चंद,ओबीसी सेल अध्यक्ष केवल कृष्ण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
धर्मशाला विद्युत उपमंडल नंबर-2 के सहायक अभियंता रमेश चंद ने जानकारी दी है कि 7 अप्रैल को मरम्मत कार्य के चलते 11 केवी मंदल फीडर के अंतर्गत आने वाले कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। प्रभावित क्षेत्रों में पास्सु, ढगवार, मनेड़, अप्पर मनेड़ (दाड़ी क्षेत्र) तथा आसपास के इलाके शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक या कार्य पूर्ण होने तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। उन्होंने बताया कि यदि मौसम खराब रहा तो यह कार्य अगले दिन किया जाएगा। सहायक अभियंता ने लोगों से सहयोग की अपील की है।
परागपुर क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। भाजपा परागपुर मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा ने हिमाचल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सरकार चुनाव से डरी हुई है और पिछले छह महीनों से पंचायत चुनावों को “फुटबॉल का खेल” बनाकर रखा हुआ है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सरकार ने एक नया “ड्रामा” रचते हुए डीसी को रोस्टर में 5% सीटें आरक्षित करने की सहमति दी है। विनोद शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार चाहे तो 5% नहीं, 100% सीटें भी अपनी मर्जी से रिजर्व करवा ले, लेकिन जनता ने मन बना लिया है कि वह भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों को ही विजयी बनाएगी। विनोद शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता को विभिन्न वादों के नाम पर ठगा गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले 1500 रुपये देने, गोबर खरीद योजना, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को बसों में 50% छूट, पहली कैबिनेट में 5 लाख नौकरियां देने और कर्मचारियों को डीए जारी करने जैसे वादे किए गए, लेकिन इनमें से अधिकांश धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पेंशन, रोजगार और स्थायी नौकरी के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। बेरोजगार युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं, जबकि बुजुर्ग पेंशन के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। विनोद शर्मा ने कहा कि सरकार की नीतियों से प्रदेशवासी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और अब जनता जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। पंचायत चुनावों में इसका असर साफ दिखाई देगा और कांग्रेस को करारा झटका लगेगा।
रविवार 5 अप्रैल को पशुपालन परिचालक संघ इकाई जिला कांगड़ा का चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव की अध्यक्षता अशोक कुमार (राज्यकारिणी वरिष्ठ उपप्रधान, हिमाचल प्रदेश), लेखराज (उपप्रधान, एनजीओ ब्लॉक नादौन) और सुनील कुमार (प्रधान, जिला राज्यकारिणी हमीरपुर) ने की। इस दौरान प्रधान पद के लिए विनोद कुमार, महासचिव पद के लिए सुभाष, वरिष्ठ उपप्रधान पद के लिए अशोक कुमार (वीएच दाड़ी), मुख्य सलाहकार पद के लिए अशोक कुमार (वीडी ढाणी), उपप्रधान पद के लिए अक्षय कुमार (एनडी बखाला) तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए प्रवीण कुमार को मनोनीत किया गया। साथ ही कार्यकारिणी के विस्तार के लिए पूर्ण अधिकार जिला प्रधान कांगड़ा को दिए गए।
हैवेल्स इंडिया लिमिटेड, नोएडा द्वारा अपरेंटिस के 250 पद भरे जाएंगे। यह जानकारी क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि कंपनी ने पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए ये पद क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, धर्मशाला (जिला कांगड़ा) के माध्यम से अधिसूचित किए हैं। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता आईटीआई (इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मैकेनिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल) या डिप्लोमा निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को कंपनी द्वारा 13,500 से 15,000 रुपये प्रति माह वेतन दिया जाएगा। अक्षय कुमार ने बताया कि अभ्यर्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा की प्रति तथा अनुभव प्रमाण पत्र (यदि हो) लेकर निर्धारित तिथियों पर साक्षात्कार के लिए उपस्थित हो सकते हैं। साक्षात्कार 6 अप्रैल को उप रोजगार कार्यालय देहरा, 7 अप्रैल को उप रोजगार कार्यालय पालमपुर, 8 अप्रैल को जिला रोजगार कार्यालय नगरोटा बगवां, 9 अप्रैल को क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय धर्मशाला तथा 10 अप्रैल को उप रोजगार कार्यालय नूरपुर में सुबह 10 बजे से आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता या अन्य देय नहीं दिया जाएगा।
जिला कांगड़ा में बीती रात पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी पुष्टि एसपी अशोक रत्न ने की है। सूचना के अनुसार आरोपी सन्नी कुमार बीते सोमवार को अपनी पत्नी काल्टी देवी को लेकर किसी तांत्रिक के पास लेकर गया था। बीती शाम को वह दोनों काल्टी देवी के भाई के घर लौटे। पुलिस के मुताबिक सुबह के करीब 3.30 बजे काल्टी देवी अपने तीन बच्चों के साथ सो रही थी। इस दौरान सन्नी ने कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी का गलाकार काट कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान काल्टी देवी का भाई दूसरे कमरे में सोया हुआ था। जैसे ही उसे भनक लगी तो उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी सन्नी कांगड़ा के लंबागांव का रहने वाला है। वह दिहाड़ी मजदूरी करता है। सन्नी और काल्टी देवी के दो छोटे बेटे और एक बेटी हैं। फॉरेंसिक टीम पर पुलिस साक्ष्य जुटा रही है और पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है। एसपी अशोक रत्न ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में पता चला है कि घरेलू विवाद के कारण आरोपी में पत्नि का मर्डर किया है। उन्होंने बताया कि मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कांगड़ा पुलिस ने शाहपुर के एक युवक की गाड़ी से 149 पेटी अवैध शराब बरामद की है और गाड़ी को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई सोमवार देर रात पुराना कांगड़ा में की गई। डीएसपी अंकित शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हनुमान मंदिर के पास, पुराना कांगड़ा में एक पिकअप गाड़ी (नंबर HP90A 1656) से कुल 149 पेटी अवैध देसी शराब मार्का वी आर वी संतरा बरामद हुई। गाड़ी चालक की पहचान सृजन शर्मा पुत्र सुनील कुमार शर्मा, निवासी गांव क्यारी, डाकघर व तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। सृजन शर्मा के खिलाफ पुलिस थाना में अभियोग संख्या 53/26, धारा 39(1)A के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद की गई 149 पेटी शराब (कुल 1341000 मिलीलीटर) और पिकअप गाड़ी (HP90A 1656) को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। डीएसपी अंकित शर्मा ने यह भी कहा कि क्षेत्र में नशा माफिया को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।
डाडासीबा क्षेत्र में 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस संबंध में डॉ. भीमराव अंबेडकर सोशल ऑर्गेनाइजेशन द्वारा सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष रजिंदर सिंह (गोगा) ने की। बैठक के दौरान जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष अंबेडकर जयंती को विशेष रूप से भव्य और आकर्षक तरीके से मनाया जाएगा, ताकि समाज में जागरूकता और एकता का संदेश दिया जा सके। इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं सेवानिवृत्त हेडमास्टर गुरदास राम, पूर्व प्रधान धर्मचंद, सेवानिवृत्त मास्टर गुरवतन सिंह, मास्टर यशवंत, सचिव नवजीत भाटिया, प्रिंसिपल सुदर्शन, पीटीआई रविंदर, डॉक्टर रामकृष्ण, जसविंदर सिंह, जितेंद्र सिंह, रवि दत्त, सुभाष, जोगिंदर सिंह, भूपेंद्र सिंह, अशोक कुमार व कमल सहित कई लोग उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने बताया कि जयंती के मौके पर सामाजिक समरसता, शिक्षा के महत्व और भारतीय संविधान की मूल भावना पर आधारित विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें क्षेत्र के लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इंदौरा क्षेत्र में रक्तदान के लिए प्रेरित करने वाले स्वर्गीय दीपक राज उर्फ रोक्की की स्मृति में डाह कुलाड़ा ब्लड डोनर ग्रुप के सौजन्य से माधव गौशाला, डाह कुलाड़ा के प्रांगण में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 113 यूनिट रक्त दान किया गया। रक्तदान शिविर में हर वर्ष की भांति अमनदीप अस्पताल, पठानकोट के ब्लड बैंक की टीम ने सहयोग देते हुए अपनी सेवाएं प्रदान कीं। टीम ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपके सहयोग से ही कई मरीजों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए रक्तदान महादान है। इस अवसर पर डाह कुलाड़ा के पंचायत उपप्रधान अजय कुमार, माधव गौशाला के संयोजक अभिषेक शर्मा, संघ के खंड अध्यक्ष कमल गुलेरिया, निर्मल प्रसाद, संजू, राहुल पठानिया सहित अमनदीप अस्पताल से विकास, हर्ष एवं कृष्ण कुमार उपस्थित रहे।
मिनर्वा पीजी कॉलेज ऑफ आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स के एमएससी जीव विज्ञान (प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर) के परीक्षा परिणाम अत्यंत उत्कृष्ट रहे हैं। विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। एमएससी प्रथम सेमेस्टर में कनिका ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, नेहा भगत ने 86.75 प्रतिशत तथा सरंभा ने 84.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। इस सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इसी प्रकार, एमएससी तृतीय सेमेस्टर के परिणाम भी शत-प्रतिशत रहे। इसमें अर्पिता ने 85.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि खुशी ने 85.25 प्रतिशत तथा आकृति और अमनदीप कौर ने 84.25 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन इंजीनियर जे.एस. पटियाल तथा प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने सभी विद्यार्थियों को उनकी सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
कांगड़ा पुलिस ने नशे पर कार्रवाई करते हुए पालमपुर में एक कुख्यात नशा तस्कर अवतार सिंह उर्फ गुन्नू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से 6.09 ग्राम हेरोइन, 10.31 ग्राम चरस और 18,670 रुपए कैश बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 26 मार्च को गश्त के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि अवतार सिंह अपने घर से नशे का कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के गांव चौकी खलेट स्थित रिहाइशी मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के अंदर से नशीले पदार्थ और ड्रग मनी बरामद हुई, जिसके बाद अवतार सिंह को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ पालमपुर थाने में NDPS एक्ट में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि अवतार सिंह उर्फ गुन्नू एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत पहले से ही चार अन्य केस दर्ज हैं। इनमें साल 2023, में पालमपुर थाने में 7 ग्राम चिट्टा और नूरपुर थाने में 50.46 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले शामिल हैं। इसके अलावा, साल 2024 में नगरोटा बगवां थाने में 20.65 ग्राम और पालमपुर थाने में 6.47 ग्राम चिट्टा बरामदगी के दो अन्य केस भी दर्ज हैं। बार-बार जेल जाने के बावजूद आरोपी ने नशा तस्करी जारी रखी। पुलिस ने उसे एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया है।
इंदौरा में राम नवमी के पावन उपलक्ष्य पर सूर्यवंशी श्री रामलीला क्लब नादौन (कुडसां) द्वारा माता जी के विशाल भंडारे व जागरण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। आयोजन में स्थानीय श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी रही और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत ज्योति प्रज्वलन से हुई, जिसके पश्चात विधिवत हवन की पूर्णाहुति दी गई। दोपहर बाद अटूट भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। देर रात्रि माता जी का जागरण आयोजित हुआ, जिसमें भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे। विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि माता रानी का जागरण हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है। उन्होंने माता रानी से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा आयोजन के सफल संचालन के लिए क्लब के सभी सदस्यों की सराहना की। इस अवसर पर पोंग बांध निदेशक विशाल ठाकुर, कुलदीप शर्मा, सुरजीत कटोच, अजय शर्मा, क्लब प्रधान आकाश कटोच, राकेश कटोच सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
“श्री रामनवमी” महोत्सव के पावन अवसर पर कृष्णा रामलीला क्लब (पंजीकृत) इंदौरा द्वारा सराय भवन में श्री रामायण जी का अखण्ड पाठ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और विधि-विधान के साथ आयोजित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया और भगवान श्री राम के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। अखण्ड पाठ के उपरांत मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री रामचन्द्र जी की भव्य एवं आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसने सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इसके साथ ही भव्य शोभा यात्रा भी निकाली गई, जो सराय भवन से प्रारंभ होकर इंदौरा के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः आयोजन स्थल पर पहुंची। शोभा यात्रा के दौरान भक्तजन भजन-कीर्तन करते हुए “जय श्री राम” के उद्घोष से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में रंगते रहे। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा शोभा यात्रा का स्वागत किया गया और प्रसाद वितरण भी किया गया। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्री राम का जीवन आदर्श, सत्य, मर्यादा और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के समाज में श्री राम के आदर्शों को अपनाकर ही हम एक सशक्त, समरस और संस्कारित समाज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने आयोजकों द्वारा इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की सराहना भी की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कृष्णा रामलीला क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। इसके अलावा स्थानीय नागरिकों, युवाओं और महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में आयोजकों द्वारा मुख्य अतिथि मलेंद्र राजन सहित सभी विशिष्ट अतिथियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। इस प्रकार यह रामनवमी महोत्सव पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष करण सिंह पठानिया, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दविंदर मनकोटिया, पोंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा एवं विशाल ठाकुर, कृष्णा रामलीला क्लब के प्रधान सुमित शर्मा, संदीप कटोच, पूर्व प्रधान कृष्णा रामलीला क्लब इंदौरा, उमा कांत सूदन, नरेंद्र शर्मा, एसडीएम सुरिंदर ठाकुर, डीएसपी संजीव यादव, एसएचओ इंदौरा आशीष पठानिया, सुनीत कटोच, अनिल कटोच, लाला गुलशन (पूर्व प्रधान) तथा पूर्व प्रधान जीवन सिंह सहित अनेक व्यक्ति उपस्थित रहे।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दूसरे चरण के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। 28 मार्च को आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले ओपनिंग मैच के बाद, टूर्नामेंट का यह निर्णायक दूसरा फेज 13 अप्रैल से 24 मई 2026 तक चलेगा। इस दौरान प्लेऑफ की जंग तेज होगी और लीग स्टेज के अंतिम 50 मुकाबले खेले जाएंगे। वहीं IPL 2026 के 3 मुकाबले धर्मशाला में खेले जाएंगे। BCCI द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, पहला मुकाबला 11 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। इसके बाद, 14 मई को पंजाब किंग्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। तीसरा और अंतिम मुकाबला 17 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ खेला जाएगा, जिसमें स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के भी मैदान पर उतरने की संभावना है। एचपीसीए प्रबंधन ने स्टेडियम में तैयारियां तेज कर दी गई है। पिच और आउटफील्ड को इंटरनेशनल मानकों के अनुसार तैयार किया जा रहा है। वहीं, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियों में जुट गए हैं। बता दें कि, आईपीएल सीजन 2026 की शुरुआत 28 मार्च को हो रही है। पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच शाम 7:30 बजे बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है। आईपीएल मुकाबलों से जहां, फैन्स अपने स्टार खिलाड़ियों को मैदान पर चौके छक्के लगाते देखेंगे। वहीं, इससे व्यापारियों को फायदा होगा और ये पर्यटन को भी संजीवनी देगा। आईपीएल मुकाबलों के लिए बाहरी राज्यों से लोग हिमाचल पहुंचेंगे। इससे व्यापारियों में भी खुशी की लहर है। धर्मशाला को आईपीएल की मेजबानी मिलने से स्थानीय होटल कारोबारियों, टैक्सी ऑपरेटरों और होमस्टे मालिकों में भारी उत्साह है। होटल बुकिंग: मैचों की तारीखों के एलान के साथ ही होटलों में एडवांस बुकिंग शुरू होने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धर्मशाला की लाइव कवरेज से 'स्पोर्ट्स टूरिज्म' को वैश्विक पहचान मिलेगी।
हिमाचल प्रदेश सरकार ने कांगड़ा जिले के प्रसिद्ध ट्रैकिंग रूट त्रियुंड के प्रबंधन में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। अब इस ट्रैक की देखरेख वन विभाग के बजाय निजी ऑपरेटरों द्वारा की जाएगी। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए वन विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसकी निविदाएं 27 मार्च को खोली जाएंगी। इसके बाद ही तय होगा कि ट्रैक और पर्यटकों की एंट्री का जिम्मा किस निजी ऑपरेटर को सौंपा जाएगा। नए नियमों के अनुसार, त्रियुंड जाने वाले पर्यटकों को गलू चेक पोस्ट पर अपनी एंट्री करानी होगी। इसके लिए कुछ निर्धारित शुल्क तय किए गए हैं। एंट्री फीस प्रति पर्यटक 100 रुपये देने होंगे। यदि कोई पर्यटक वहां टेंट लगाना चाहता है, तो उसे 275 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान करना होगा। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ये दरें विभाग द्वारा तय की गई हैं, जिन्हें निजी ऑपरेटर अपनी मर्जी से बढ़ा नहीं सकेंगे। हालांकि, जिन स्थानीय लोगों के पास इस क्षेत्र के पारंपरिक अधिकार हैं, उनसे कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। ट्रैक पर पर्यटकों की सुरक्षा और निगरानी को पुख्ता करने के लिए वन विभाग ने 25 वॉकी-टॉकी सेट खरीदे हैं। पर्यटकों की आवाजाही के लिए समय भी निर्धारित किया गया है। गर्मियों में सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक एंट्री होगी। सर्दियों में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक एंट्री होगी। इस नई व्यवस्था से सरकार के पास त्रियुंड जाने वाले पर्यटकों का सटीक आंकड़ा रहेगा और ट्रैक के रखरखाव में भी सुधार होने की उम्मीद है।
विश्व क्षय रोग दिवस 2026 के अवसर पर मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, इंदौरा में “टीबी मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत एक विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सरकारी अस्पताल इंदौरा से सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर मोनिका शर्मा तथा फीमेल हेल्थ वर्कर सुश्री सुमन ने बतौर मुख्य वक्ता भाग लिया। वक्ताओं ने क्षय रोग (टीबी) जैसी गंभीर बीमारी के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह रोग किस प्रकार फैलता है, इसके लक्षण क्या हैं तथा इससे बचाव के लिए कौन-कौन से उपाय अपनाए जाने चाहिए। उन्होंने सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और “टीबी मुक्त भारत” अभियान के तहत चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को जागरूक करते हुए समय पर जांच और उपचार के महत्व पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन की विभागाध्यक्ष द्वारा मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने मुख्य अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए भारत सरकार समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाती है और ऐसे कार्यक्रम समाज के हित में अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम में बी.एड. के प्रशिक्षु छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” जैसे जागरूकता नारे लगाकर संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कांगड़ा जिले के इंदौरा क्षेत्र से एक 26 वर्षीय महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बलविंदर कौर, पत्नी कमलजीत सिंह, निवासी तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा, 22 फरवरी 2026 से लापता हैं। परिजनों के मुताबिक, महिला को आखिरी बार इंदौरा पुल के पास देखा गया था, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। घटना के बाद परिजनों ने इंदौरा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में भी लगातार खोजबीन की जा रही है। परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं और उन्होंने आम जनता से सहयोग की अपील की है। अगर किसी को भी बलविंदर कौर के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो कृपया तुरंत इस नंबर पर संपर्क करें ( 8091733461) फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, लेकिन महिला का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
फतेहपुर क्षेत्र के पिंड मंझार वॉलीबॉल टूर्नामेंट का चौथा एडिशन 5 अप्रैल से 7 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 31 मार्च है। अपनी टीम रजिस्टर करवाने के लिए निखिल: 7807875323, अभि: 8894563834, अनुभव: 7807027692, भोलू: 9459058463, यदुवीर: 8894168686, जग्गू: 98167 65660, अभिमन्यु: 8219438341 पर संपर्क करें। वहीं इस टूर्नामेंट को लेकर आयोजकों ने नियम व शर्तें जारी कर दी हैं। जानकारी के अनुसार, इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सभी खिलाड़ियों का एक ही पंचायत से होना अनिवार्य रहेगा। मैच शुरू होने से पहले खिलाड़ियों के आधार कार्ड की जांच भी की जाएगी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि एक ही पंचायत से एक से अधिक टीमें भी इस टूर्नामेंट में भाग ले सकती हैं। खास बात यह है कि प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार की रजिस्ट्रेशन फीस नहीं रखी गई है, जिससे अधिक से अधिक टीमें भाग ले सकें। प्राइज मनी को लेकर भी आयोजकों ने उत्साहजनक जानकारी दी है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पुरस्कार राशि अधिक होगी, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी। इसके अलावा, टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमें पुराने फतेहपुर ब्लॉक क्षेत्र से ही होनी चाहिए। मैरा, भरमाड़ सहित अन्य पंचायतों की टीमें इसमें हिस्सा ले सकती हैं। आयोजकों ने बताया कि पहले तीन टूर्नामेंट्स में क्षेत्र की टीमों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया था और इस बार भी पिंड मंझार की ओर से सभी टीमों का स्वागत किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश सरकार के बजट 2026–27 को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रस्तुत एक दूरदर्शी एवं जनकल्याणकारी बजट बताते हुए इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य के संतुलित, समग्र और जनहितकारी विकास की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करता है। मलेंद्र राजन ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए सरकार ने विशेष प्राथमिकता दी है। कनेक्टिविटी, आधारभूत ढांचे और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार हेतु बड़े पैमाने पर निवेश किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कांगड़ा के ढगवार में लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक दूध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जाना एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि वित्तीय चुनौतियों के बावजूद सरकार ने सामाजिक सुरक्षा, रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण, कृषि और आधारभूत ढांचे को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने हेतु पुलिस विभाग में 1000 कांस्टेबल और 50 महिला इंस्पेक्टर की सीधी भर्ती की घोषणा की गई है। “खेलो हिमाचल चिट्टा मुक्त अभियान” के अंतर्गत 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 50,000 युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिक्षा क्षेत्र के लिए 9660 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 75 से कम छात्रों वाले कॉलेजों के विद्यार्थियों को जिला मुख्यालय में प्रवेश लेने पर 5000 रुपये का स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। साथ ही, कॉलेजों में सेमेस्टर प्रणाली लागू की जाएगी और अगले वर्ष 150 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध करने का लक्ष्य रखा गया है। सामाजिक सुरक्षा के तहत पात्र परिवारों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। बीपीएल परिवारों की बेटियों के विवाह हेतु 51 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी तथा शोषण पीड़ित महिलाओं के लिए “स्वाभिमान योजना” शुरू की जाएगी। महिलाओं के लिए संपत्ति पंजीकरण शुल्क को 8 प्रतिशत से घटाकर 4 प्रतिशत करना एक सराहनीय पहल है। कृषि क्षेत्र में प्राकृतिक खेती उत्पादों के समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई है। गेहूं का एमएसपी 60 से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलो, मक्की 40 से 50 रुपये, हल्दी 90 से 150 रुपये प्रति किलो तथा अदरक के लिए पहली बार 30 रुपये प्रति किलो समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। दुग्ध उत्पादकों के हित में गाय के दूध का मूल्य 51 से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर और भैंस के दूध का 61 से 71 रुपये प्रति लीटर किया गया है। राज्य में दूध खरीद 4 करोड़ लीटर से बढ़कर 8 करोड़ लीटर होने का उल्लेख भी इस बजट की उपलब्धि को दर्शाता है। मलेंद्र राजन ने कहा कि यह बजट युवाओं, महिलाओं, किसानों और समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में एक ठोस और दूरदर्शी पहल है, जो “जनकल्याण और वित्तीय अनुशासन” के संतुलन के साथ हिमाचल प्रदेश के सतत एवं समावेशी विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।
वन परिक्षेत्र इंदौरा के अंतर्गत खैर तस्करों के विरुद्ध शिकंजा कसा गया है। ताजा कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी इंदौरा अब्दुल हमीद के नेतृत्व में विभागीय टीम ने नाकाबंदी कर एक ऑल्टो कार, जिसमें खैर के एक दर्जन से अधिक मोच्छे ले जाए जा रहे थे, को पकड़ा गया है। यह कार्रवाई वन विभाग की घोड़न बीट में की गई, जहाँ तस्कर रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए खैर तस्करी की फिराक में थे कि विभागीय सतर्कता से आरोपियों को दबोच लिया गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी इंदौरा अब्दुल हमीद ने बताया कि वे वन रक्षक आंचल कुमार ( अतिरिक्त प्रभार घोड़न बीट ), वन रक्षक मोहन सिंह व वन मित्र साहिल कुमार की टीम के साथ स्वयं रात्रि गश्त पर थे कि एक ऑल्टो कार ( एच.पी. 38 ई 1669 ) जिसमें खैर तस्करी को अंजाम दिया जा रहा था, को नाकाबंदी कर रोका गया व तलाशी लेने पर उसमें खैर के मोच्छे, जिनकी संख्या 13 पाई गई, बरामद किए गए। आरोपी खैर की लकड़ी ले जाने बारे कोई भी परमिट अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज पेश न कर पाए। जिस पर उनके विरुद्ध वन अधिनियम व अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करवाया गया। वहीं कार में सवार व्यक्तियों की पहचान मोहित कुमार ( 27 ) पुत्र बुआ दित्ता, निवासी गाँव व डाकघर घोड़न, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा व राजकुमार ( 23 ) पुत्र बहादुर सिंह, निवासी गाँव घोड़न, डाकघर भोजपुर, तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। विभाग ने पकड़ी गई लकड़ी व कार को जब्त कर आगामी कार्रवाई हेतु मामला पुलिस विभाग को सौंप दिया है। वहीं उनके विरुद्ध पुलिस थाना डमटाल में मुकदमा दर्ज किया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आर.ओ. अब्दुल हमीद ने कड़ा संदेश दिया है कि वन संपदा को नुकसान पहुँचाने वालों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम किया जाएगा और अवैध वन कटान करने वाले अथवा अवैध खनन कर वन संपदा को नुकसान पहुँचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ (इंदौरा) द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी चैत्र नवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रथम नवरात्रि से मंदिर परिसर में श्री राम चरित मानस पाठ का शुभारंभ सभा के प्रधान ओम प्रकाश कटोच व अन्य पदाधिकारियों द्वारा विधिवत् पूजा अर्चना के साथ किया गया। सभा के प्रेस सचिव सुरिंदर शर्मा ने कहा कि 26 मार्च दुर्गाष्टमी के दिन इसका हवन एवं भोग डाला जाएगा तथा कंजक पूजन के साथ साथ श्री राम नवमी का पर्व भी मनाया जाएगा। साथ ही प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ के तत्वाधान से मंदिर परिसर में डॉ. ओम प्रकाश आई इंस्टीट्यूट पठानकोट के सौजन्य से 22 मार्च को आंखों की जांच का निशुल्क कैम्प भी लगाया जाएगा। यह कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगाया जाएगा जिसमें रोगियों की आधुनिक मशीनरी से जांच की जाएगी। इस दौरान रिटायर सी. एम. ओ. पठानकोट क्रिस्चन मेडिकल कॉलेज जालंधर एवं चंबा मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर डॉ. परवेज तनेजा व उनकी टीम निपुणता से जांच करेगी व दवाईयां भी दी जायेगी। प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ के प्रधान ओम प्रकाश कटोच व प्रेस सचिव सुरिंदर शर्मा ने जानकारी देते हुए इलाका वासियों से अपील की है कि समय पर पहुंच कर इस कैंप का लाभ अवश्य उठाएं, सभा द्वारा डाक्टरों की टीम व रोगियों के लिए लंगर व अन्य आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत तहसील कल्याण अधिकारी, देहरा के सौजन्य से आज खंड विकास अधिकारी, प्रागपुर के सभागार में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिमेंशिया एवं अल्जाइमर रोग के प्रति एक दिवसीय जागरूकता एवं स्क्रीनिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य समाज में डिमेंशिया एवं अल्जाइमर जैसे गंभीर मानसिक रोगों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को समय रहते उचित चिकित्सा परामर्श लेने के लिए प्रेरित करना था, ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बीडीओ प्रागपुर अशोक कुमार ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान न्यू एरा फाउंडेशन, खुंडियां की ओर से डॉ. दीक्षा ने उपस्थित लोगों को डिमेंशिया के प्रमुख कारणों, प्रारंभिक एवं उन्नत लक्षणों, संभावित जोखिम कारकों, रोकथाम के उपायों तथा उपलब्ध उपचार पद्धतियों के बारे में सरल एवं विस्तृत प्रस्तुति (प्रेजेंटेशन) के माध्यम से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि समय पर पहचान एवं उचित देखभाल से रोग की प्रगति को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है तथा इसके सामाजिक एवं पारिवारिक प्रभावों को भी कम किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त मनोचिकित्सक डॉ. नेहा ने डिमेंशिया के निदान, प्रबंधन एवं उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने का आग्रह किया। शिविर के दौरान उन्होंने मरीजों की स्क्रीनिंग भी की, जिससे कई लोगों को प्रारंभिक स्तर पर ही परामर्श प्राप्त हुआ। इस अवसर पर सभी वरिष्ठ नागरिकों को पहाड़ी टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। तहसील कल्याण अधिकारी विपुल शर्मा ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से इनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय व्यक्ति तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ फार्मेसी के छात्रों ने हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणामों में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर संस्थान का नाम रोशन किया है। कॉलेज की होनहार छात्रा राजकुमारी ने विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नई मिसाल कायम की है। राजकुमारी की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों का मार्गदर्शन रहा है। कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में जगह बनाई है। इन परीक्षा परिणामों में बी. फार्मेसी सातवें सत्र में तीन छात्राओं श्रुति, सृष्टि, पलक ने 9.33 सीजीपीए के साथ नौवां स्थान प्राप्त किया, जबकि सुमेश ने 9.30 सीजीपीए के साथ दसवां स्थान हासिल किया है। बी. फार्मेसी पांचवें सत्र में राजकुमारी ने 9.38 सीजीपीए के साथ प्रथम स्थान, रजत ने 8.92 सीजीपीए के साथ छठा स्थान प्राप्त किया। वहीं समीर, प्रियनंदिनी, अजय ने 8.77 सीजीपीए के साथ आठवां, पियूषा, रिंचन ने 8.69 सीजीपीए के साथ नौवां तथा भूषण, हन्नी, हार्दिक, रुद्र, सिमरन, मनीष व नितिन गोरे ने 8.62 सीजीपीए के साथ दसवां स्थान प्राप्त किया। वहीं बी. फार्मेसी के तीसरे सत्र में पलक 9.25 सीजीपीए के साथ पांचवें, प्रिया 9.17 सीजीपीए के साथ छठे तथा साक्षी 8.92 सीजीपीए के साथ नौवें स्थान पर रही। बी. फार्मेसी प्रथम सत्र की जुबीन ने 9.31 सीजीपीए के साथ आठवां स्थान प्राप्त किया है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर मिनर्वा ग्रुप ऑफ कॉलेज के प्रबंधक इंजीनियर जे. एस. पटियाल, डीन अकादमिक प्रोफेसर बी. डी. शर्मा, प्राचार्य डॉ. कपिल कुमार वर्मा तथा समस्त स्टाफ ने छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर डीन अकादमिक एवं स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. बी. डी. शर्मा ने कहा कि यह सफलता राजकुमारी की कड़ी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मिनर्वा कॉलेज ऑफ फार्मेसी के प्रिंसिपल डॉ. कपिल कुमार वर्मा ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि टॉपर्स ने अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्थापित की है। हमें विश्वास है कि वे भविष्य में भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे। राजकुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों को देते हुए कहा कि समर्पण और निरंतर परिश्रम से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
राजकीय महाविद्यालय इन्दौरा (GDC Indora) में विदाई समारोह का प्रतिवेदन राजकीय महाविद्यालय इन्दौरा में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के सभागार में बड़े उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, समस्त प्राध्यापकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्राचार्य महोदय डॉ. विवेक कुमार एवं वरिष्ठ प्राध्यापकों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। इसके पश्चात सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई, जिसने वातावरण को आध्यात्मिक एवं सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। मंच संचालन का दायित्व महाविद्यालय के छात्रों ने बखूबी निभाया और पूरे कार्यक्रम को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया। इस अवसर पर कनिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विदाई समारोह का मुख्य आकर्षण ‘मिस्टर फेयरवेल’ और ‘मिस फेयरवेल’ का चयन रहा। इसके लिए विभिन्न राउंड आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने आत्म-परिचय, प्रश्नोत्तर और प्रतिभा प्रदर्शन के माध्यम से अपनी योग्यता का परिचय दिया। अंततः निर्णायक मंडल द्वारा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गई। विजेताओं को स्मृति चिह्न एवं सम्मान पत्र प्रदान किए गए। अंकिता को मिस फेयरवेल तथा अरुण को मिस्टर फेयरवेल चुना गया। कार्यक्रम के दौरान अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। प्राचार्य महोदय डॉ. विवेक ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी प्रेरित किया कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए आगे बढ़ें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि महाविद्यालय के द्वार सदैव उनके लिए खुले रहेंगे। अन्य प्राध्यापकों डॉ. पंकज कौशल, डॉ. रजनी, डॉ. पूनम ने भी अपने विचार व्यक्त किए और विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को यह सलाह दी कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के कल्याण के लिए करें और हमेशा नैतिक मूल्यों का पालन करें। विदाई समारोह के अंत में सभी विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। इसके पश्चात सामूहिक फोटो सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सभी ने एक साथ तस्वीरें खिंचवाकर इस दिन को यादगार बना लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई थी, जिसका सभी ने आनंद लिया। यह विदाई समारोह न केवल एक औपचारिक कार्यक्रम था, बल्कि यह भावनाओं, यादों और भविष्य की आशाओं से भरा एक यादगार दिन बन गया। इस अवसर पर जहां एक ओर अंतिम वर्ष के विद्यार्थी अपने नए जीवन की ओर अग्रसर हुए, वहीं दूसरी ओर उन्होंने अपने महाविद्यालय के साथ बिताए गए अनमोल पलों को सहेज कर रखा। अंत में कहा जा सकता है कि यह विदाई समारोह अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा। इसने विद्यार्थियों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत किया तथा उन्हें जीवन के अगले चरण के लिए उत्साहित किया। महाविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयास से यह कार्यक्रम अत्यंत व्यवस्थित और प्रभावशाली ढंग से सम्पन्न हुआ।
इंदौरा विधायक मलेंद्र राजन ने इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पराल का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी की तथा अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने बताया कि ठाकुरद्वारा से मलकाना पराल पुल तथा त्योड़ा पत्तन पुल को विधायक प्राथमिकता में शामिल किया गया है। इन दोनों पुलों का बजट स्वीकृत होते ही उनके निर्माण कार्य शुरू करवा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पराल स्कूल में शिक्षकों की कमी को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें बेहतर शिक्षा सुविधाएं मिल सकें। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और उन्हें निर्धारित समय में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और क्षेत्र के विकास के लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे। इस अवसर पर बीडीओ सुदर्शन सिंह, पूर्व प्रधान केवल कृष्ण, पूर्व प्रधान तारा चंद, पोंग बांध निदेशक विशाल ठाकुर, किसान मोर्चा के राजेश, कार्यकर्ता गगन सिंह, दिलावर सिंह, स्वदेश (सोनू) सहित अन्य व्यक्ति व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
क्षेत्र के विकास को गति देते हुए विधायक मलेंद्र राजन ने सोमवार को अटाहड़ा पंचायत में विकास कार्यों की समीक्षा की तथा 10 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने वार्ड नंबर-05 में पक्के रास्ते के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त जीप योग्य रास्ते के निर्माण, ढंगा निर्माण, सुरक्षा दीवार निर्माण तथा अटाहड़ा में मुख्य रास्ते तक संपर्क मार्ग के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो विकास कार्य चल रहे हैं या अभी तक शुरू नहीं हो पाए हैं, उन्हें शीघ्र शुरू करवाया जाए ताकि लोगों को समय पर सुविधाएं मिल सकें। विधायक ने कहा कि अटाहड़ा पंचायत क्षेत्र में बस सेवा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए पांच इलेक्ट्रिक बसों की मांग की गई है और आवश्यकता के अनुसार रूट व समय निर्धारित कर उन्हें चलाया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गंगथ अस्पताल में डॉक्टरों के सभी छह पद भर दिए गए हैं। आने वाले समय में शेष विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए भी मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी जाएगी। विधायक ने कहा कि जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठाना और पूरे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करना ही उनकी प्राथमिकता है। इस अवसर पर बीडीओ सुदर्शन सिंह, नायब तहसीलदार प्रवेश शर्मा, कांग्रेस कार्यकर्ता जगमोहन पठानिया, हरबंस धीमान, सुरेश कुमार, सरदार अली, हरी सिंह, शमशेर सिंह, विशन सिंह, पूर्व उपप्रधान सुनील ठाकुर तथा पूर्व प्रधान तरसेम सिंह सहित अन्य व्यक्ति व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने डमटाल थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों से 114.2 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर के तहत पुलिस टीमें गश्त और नशा विरोधी अभियान के दौरान क्षेत्र कंडवाल, भदरोया, डमटाल और छन्नी आदि में मौजूद थीं। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति एनएच-44 के पास एक्साइज बैरियर भदरोया के समीप बैठे हुए हैं तथा उनके पास एक कैरी बैग में भारी मात्रा में चरस है और वे इसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे हुए पाए गए। पूछताछ करने पर उन्होंने अपनी पहचान बलदेव पुत्र नंद लाल, निवासी गांव मकण, डाकघर सनवाल, तहसील चुराह जिला चंबा (उम्र 44 वर्ष) तथा जीत पुत्र लोभी, निवासी गांव मकण, डाकघर सनवाल, तहसील चुराह जिला चंबा (उम्र 40 वर्ष) के रूप में बताई। पुलिस ने जब उनके कैरी बैग की तलाशी ली तो बैग के भीतर पॉलीथीन में छिपाकर रखी 114.2 ग्राम चरस बरामद हुई। इस संबंध में पुलिस थाना डमटाल में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। साथ ही पुलिस जिला नूरपुर ने आम जनता से अपील की है कि नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
विधायक मलेंद्र राजन ने सोमवार को राजकीय डिग्री कॉलेज इंदौरा के सभागार में उपमंडल स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार जमीनी स्तर पर लोगों की शिकायतों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक तीन माह के बाद उपमंडल स्तरीय बैठक आयोजित की जा रही है। विधायक ने कहा कि समिति के गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं का निर्धारित समयावधि में समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा रखे गए मुद्दों और दिए गए सुझावों पर गंभीरता से कार्य करते हुए उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण समिति की बैठक का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श कर ठोस निर्णय लेना है, ताकि कम समय में लोगों की शिकायतों का समाधान हो सके और उन्हें विकास कार्यों का लाभ समय पर मिल सके। विधायक ने कहा कि अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा करने के लिए प्रयास करने चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से बिजली और जल शक्ति विभाग को गर्मियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं और इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सके। बैठक में एसडीएम डॉ. सुरेंद्र ठाकुर, एसीएफ निशांत पराशर, डीएसपी संजीव यादव, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता आनंद बलौरिया, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता संदीप सान्याल, बीडीओ सुदर्शन सिंह, एमओ डॉ. सुरेश कुमार, एसएचओ इंदौरा आशीष पठानिया, एसएचओ डमटाल विशाल ठाकुर, बीएमओ संदीप महाजन, बीएमओ नूरपुर डॉ. दिलावर, एसडीओ सॉयल विजय ठाकुर, बीईईओ किरण बाला, एसडीओ शाहनहर परमजीत सिंह, नायब तहसीलदार प्रवेश शर्मा, सदस्य सचिव नितिन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त गैर-सरकारी सदस्यों में विजय शर्मा, स्वदेश चंबियाल, विजय कुमार, सुनीता कटोच, अनिल कटोच, रणजीत पठानिया, जगन्नाथ तथा नरेश शर्मा भी बैठक में उपस्थित रहे।
सी हॉक क्रिकेट क्लब भोगरवा की ओर से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य फाइनल मुकाबला मशापुर और हिमाचल प्रदेश पुलिस डिपार्टमेंट की टीमों के बीच खेला गया। इस टूर्नामेंट में कुल 40 टीमों ने भाग लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में क्रिकेट के प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई दिनों तक चले इस टूर्नामेंट में सभी टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद मशापुर और हिमाचल प्रदेश पुलिस डिपार्टमेंट की टीमें फाइनल तक पहुंचीं | फाइनल मुकाबले में मशापुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 101 रनों का लक्ष्य रखा। मशापुर के बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल प्रदेश पुलिस डिपार्टमेंट की टीम ने शानदार खेल दिखाया और मुकाबले को आखिरी ओवर तक रोमांचक बनाए रखा। आखिरकार हिमाचल प्रदेश पुलिस डिपार्टमेंट की टीम ने मशापुर की टीम को फाइनल में हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह देखने लायक था। इस पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए पृथ्वी सलारिया को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 250 रन बनाए और 12 विकेट हासिल किए, जो टीम की सफलता में अहम साबित हुआ। फाइनल मुकाबले के अवसर पर विशेष अतिथि साहदेव ठाकुर भी मौजूद रहे, जिन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। सी हॉक क्रिकेट क्लब भोगरवा द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट क्षेत्र के युवाओं के लिए एक बेहतरीन मंच साबित हुआ, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला और खेल भावना को भी बढ़ावा मिला।
मंडल जसवां-प्रागपुर द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा अपने-अपने विषयों को कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने केंद्र सरकार द्वारा जनता के हित में किए गए तथा किए जा रहे कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया। वहीं संजीव शर्मा ने पार्टी का इतिहास एवं उसके विकास के बारे में कार्यकर्ताओं को जागरूक किया। भावना शर्मा ने बूथ प्रबंधन तथा प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम के महत्व पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इसी क्रम में जिला देहरा के महामंत्री सुशील कालिया ने पार्टी के कार्यविस्तार की दृष्टि से बूथ स्तर पर किए जाने वाले आवश्यक कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा मुनीश शर्मा ने चर्चा के माध्यम से पार्टी की कार्यपद्धति की संरचना पर प्रकाश डाला। राहुल डोगरा ने डिजिटल युग में पार्टी की भूमिका तथा इस माध्यम से हम पार्टी और देश के लिए किस प्रकार योगदान दे सकते हैं, इस विषय पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर भाजपा मंडल जसवां–प्रागपुर के पदाधिकारी, ग्राम केंद्र प्रमुख एवं मंडल मोर्चा के अध्यक्ष और महामंत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इंदौरा के राजकीय महाविद्यालय सुगभटोली में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। जिसमें विधायक मलेंद्र राजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने बताया कि संत बाबा फकीर चंद जी के प्रयासों से इस क्षेत्र में कॉलेज की स्थापना संभव हो सकी है। वर्ष 1992 में स्थापित इस कॉलेज को 6 अगस्त 2016 को प्रदेश सरकार ने अपने अधीन ले लिया था। कहा कि पिछले वर्ष 100 से कम विद्यार्थियों वाले कॉलेजों को बंद करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के समक्ष इस कॉलेज का मुद्दा उठाया, जिसके बाद सरकार ने अधिसूचना वापस लेकर कॉलेज को जारी रखने का निर्णय लिया। वर्तमान में यहां 112 विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कॉलेज में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार के समक्ष मामला उठाया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में परिवहन सुविधा को देखते हुए भविष्य में इलेक्ट्रिक बस चलाने के प्रयास किए जाएंगे। विधायक ने बताया कि चंगराड़ा से वाया मकडोली रैहन सड़क का निर्माण लगभग 12.5 करोड़ रुपये तथा टप्पा से चंगराड़ा सड़क का निर्माण लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। उन्होंने सुगभटोली वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान संकाय शुरू करवाने और क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही। इसके अलावा कॉलेज में आईसीटी लैब के लिए पांच कंप्यूटर उपलब्ध कराने और भवन की मरम्मत करवाने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नमेश कुमार, शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
पुलिस थाना रैहन में शिकायतकर्ता जीवन लता निवासी गांव पंजासरा की शिकायत पर उनके घर का दरवाजा तोड़कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोने के गहने, एक जेंट्स अंगूठी, एक लेडीज अंगूठी, एक जोड़ी टॉप्स, भगवान सत्यनारायण की एक छोटी मूर्ति तथा कुछ नगदी चोरी कर ली गई। इस संबंध में FIR नं. 23/26 दिनांक 07-03-2026 धारा 331(4), 305 BNS के अंतर्गत पुलिस थाना रैहन में मामला दर्ज किया गया। मामले की तफ्तीश के दौरान यह पाया गया कि दिनांक 08-03-2026 को पुलिस थाना रैहन में दर्ज मु0 नं. 24/26 धारा 21, 25, 29 NDPS Act के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने उपरोक्त चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों की पहचान राजेश सिंह पुत्र कर्म सिंह कुमार निवासी वार्ड नं. 02, गांव व डाकघर रैहन, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा (हि.प्र.) तथा शुभव उर्फ शुभू पुत्र संजय कुमार निवासी वार्ड नं. 05, रैहन, डाकघर रैहन, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा (हि.प्र.) के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपियों से चोरी हुआ सामान जिसमें एक लेडीज सोने की अंगूठी, एक सोने का झुमका लाल नग सहित व उसकी चेन, एक Key Ring, एक जोड़ी लेडीज बिछुए, एक सिल्वर अंगूठी तथा घर से चोरी किए गए 02 DVR व एक WIFI उपकरण बरामद किए गए हैं। आरोपियों से अन्य संभावित चोरियों के संबंध में गहन पूछताछ जारी है तथा उपरोक्त अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है ।
पुलिस थाना नूरपुर के तहत आने वाले गांव कदरोह, डाकघर खैरयां के 13 वर्षीय बालक आयुष पठानियां के लापता होने का मामला दुखद अंत के साथ सामने आया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 मार्च 2026 को आयुष पठानियां के लापता होने की सूचना पुलिस थाना नूरपुर को मिली थी। सूचना मिलते ही नूरपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से उसकी तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया था। तलाशी अभियान के दौरान 11 मार्च को ग्रेली खड्ड (नागनी) के पास बालक के कपड़े और चप्पलें बरामद हुईं। इसके बाद खड्ड में खोजबीन करने पर बालक का शव भी बरामद कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और DFU टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेजा गया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। इस मामले में पुलिस थाना नूरपुर में धारा 194 BNSS के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने आज राजकीय डिग्री कॉलेज इंदौरा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी शिक्षण संस्थानों को सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि सरकार शिक्षण संस्थानों की संख्या बढ़ाने के बजाय उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में इंदौरा लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि इंदौरा क्षेत्र के तीन विद्यालयों राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदौरा, गंगथ स्कूल तथा ठाकुरद्वारा स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे। विधायक ने कहा कि राजकीय डिग्री कॉलेज इंदौरा की स्थापना वर्ष 1995 में हुई थी, उस समय कॉलेज में केवल 53 विद्यार्थी थे, जबकि आज लगभग 800 विद्यार्थी यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज के विकास में कॉलेज छात्र संघ ,ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन तथा अभिभावक-शिक्षक संघ की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि वर्ष 2024 में इंदौरा उत्सव की शुरुआत स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी। इस उत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था। उन्होंने कहा कि जिस मंच पर राष्ट्रीय कलाकार प्रस्तुति दे रहे थे, उसी मंच पर क्षेत्र के स्थानीय कलाकारों और गायकों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला, जो क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। विधायक ने कहा कि कॉलेज में छात्राओं की संख्या छात्रों की तुलना में लगभग दोगुनी है, जो इस बात का संकेत है कि बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं और भविष्य में क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने युवाओं से राजनीति और सामाजिक कार्यों में भी आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र से चिट्टे जैसे घातक नशे को जड़ से खत्म करने के लिए व्यापक जन अभियान चलाया जाएगा और समाज के सहयोग से इस बुराई को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से इस मुहिम में आगे आकर सहयोग देने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन की मांगों को विशेषकर शिक्षकों के रिक्त पदों जैसी मांगों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा तथा विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया, पूर्व प्रधान भूपाल कटोच, सतीश कटोच, पूर्व प्रधान सुधीर पठानिया, पूर्व प्रधान गुलशन लाला, एससी सेल अध्यक्ष राज कुमार, ओबीसी सेल अध्यक्ष केवल कृष्ण, पोंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा, विशाल ठाकुर, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष वजिंदर पठानिया, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कनव ठाकुर, एनएसयूआई अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, पूर्व प्रधान जीवन सिंह, सुरजीत कटोच, रामलीला क्लब इंदौरा के पूर्व प्रधान उमाकांत सूदन, पीटीए उपप्रधान वजिंदर कंवर, अनिल कटोच, महाशू राम, नरेंद्र शर्मा, केवल कटोच, व्यापार मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह, केवल कृष्ण शर्मा, मनीष ठाकुर, कॉलेज के प्राचार्य कुलवंत परमार, स्वदेश सोनू, एसडीओ जल शक्ति विभाग अनिल ठाकुर तथा एसडीओ बिजली बोर्ड शंकर दयाल सहित शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
लापता व्यक्तियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नूरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लापता महिलाओं को सकुशल बरामद कर लिया है। पहले मामले में वीपीओ तलारा, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा की एक महिला, जिसकी 8 मार्च 2026 को लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी, को पुलिस थाना नूरपुर की टीम ने ट्रेस कर लिया। दूसरे मामले में गांव सनिहाल, डाकघर रामनगर, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा की एक महिला के लापता होने की सूचना 7 मार्च 2026 को थाना इंदौरा में दी गई थी। पुलिस थाना इंदौरा की टीम ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर ही महिला को सकुशल ढूंढ निकाला। दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिलाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है नूरपुर पुलिस का कहना है। कि लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ फार्मेसी, इंदौरा (कांगड़ा) के छात्रों ने हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (एचपीटीयू) द्वारा आयोजित यूथ फेस्टिवल में फोक एक्ट श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त कर अपने संस्थान का नाम रोशन किया। यह कार्यक्रम शाहपुर स्थित हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न संबद्ध कॉलेजों के छात्रों ने कई सांस्कृतिक और कलात्मक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। छात्रों ने “सती कथा” पर आधारित प्रस्तुति दी, जिसे अजय कुमार, तुषार शर्मा, विशाल शर्मा, अभिषेक भारद्वाज, अभिजीत सिंह, तुषार, अंकुश सिंह, कृष, तनिष्का महाजन और नंदिनी भारद्वाज ने प्रस्तुत किया। मिनर्वा कॉलेज ऑफ फार्मेसी की टीम ने अपने ऊर्जावान और प्रभावशाली प्रदर्शन से निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। उनकी प्रस्तुति में पारंपरिक सांस्कृतिक तत्वों और टीमवर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। इस शानदार प्रस्तुति के लिए उन्हें कई टीमों के बीच तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। कॉलेज के अधिकारियों जे. एस. पाटियाल (चेयरमैन, मिनर्वा ग्रुप ऑफ कॉलेजे) और डीन अकादमिक प्रोफेसर बी. डी. शर्मा ने छात्रों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके समर्पण तथा कड़ी मेहनत की सराहना की। डॉ. कपिल कुमार वर्मा ने भी छात्रों को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए शुभकामनाएं दीं।
केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेदव्यास परिसर में सोमवार को "भारतीय ज्ञान परम्परा" विषय पर व्याख्यान का आयोजन परिसर सह निदेशक प्रो. मंजुनाथ एस.जी. की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। डिजिटल लर्निंग एंड मॉनिटरिंग सेल एवं ज्योतिष विद्या शाखा के तत्वाधान में हुई इस कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में कवि कुलगुरु कालीदास के वास्तु विभाग के अध्यक्ष प्रो. प्रसाद गोखले ने शिरकत की। उन्होंने भारतीय ज्ञान परम्परा पर प्रकाश डालते हुये कहा कि प्रत्यक्षं ज्योतिषं शास्त्रं अर्थात् ज्योतिष शास्त्र प्रत्यक्ष शास्त्र है और छाया से समय का ज्ञान कर सकते हैं। उन्होंने भारतीय जीवन में ग्रहों के महत्त्व को समाज के परिप्रेक्ष्य में समझाया। प्रो. प्रसाद गोखले के अनुसार अत्यन्त धीरे-धीरे चलने वाला ग्रह शनि ग्रह है। उन्होंने ज्योतिष शास्त्र के विभिन्न नामों से परिचित करवाया जेसै प्रत्यक्ष शास्त्र, कालविधान शास्त्र आदि। उन्होंने भारतीय परम्परा में महीनों के नामों को भी बहुत बारीकी से समझाया। इससे पूर्व टोपी, शॉल व पुष्पगुच्छ दे कर मुख्यवक्ता का स्वागत किया गया। वहीं परिसर के ज्योतिष विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज श्रीमाल ने उनका वाचिक स्वागत किया। वहीं सारे कार्यक्रम में मंच का संचालन ज्योतिष विषय के सहायकाचार्य डॉ. शैलेश तिवारी ने किया। उन्होंने श्लोकोच्चारण के माध्यम से ही इस कार्यशाला की सारी रूपरेखा को समझाया। कार्यशाला के दौरान इसमें भाग लेने वाले छात्र छात्राओं एवं समिति सदस्यों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रो. मंजुनाथ एस.जी. ने छात्रों को मुख्य वक्ता के द्वारा प्रतिपादित ज्ञान को आत्मसात करने के लिये अभिप्रेरित किया। कार्यक्रम के अन्त में डॉ. विनोद शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। कार्यक्रम के दौरान संगणक विभागाध्यक्ष अमित वालिया सहित डॉ. हरि ओम, डॉ. यज्ञदत्त, डॉ. भूपेन्द्र कुमार ओझा, डॉ. गोविन्द शुक्ल, डॉ. दीप कुमार, डॉ. विनोद शर्मा, गोविन्द दीक्षित, कृष्ण कुमार द्विवेदी, अमरचन्द, डॉ. रूपलाल, प्रमोद कुमार एवं परिसर के कर्मचारी और छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। शान्तिमन्त्र के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
प्रदेश में कांगड़ा पुलिस के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बैजनाथ थाना पुलिस ने 135 ग्राम चरस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जिन्हें नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7/8 मार्च 2026 की रात बैजनाथ पुलिस थाना की टीम अवाही नाग मोड़ के पास यातायात चेकिंग के लिए नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान घट्टा की ओर से आ रही स्कूटी नंबर HP40F-5509 को जांच के लिए रोका गया। स्कूटी चालक और उसके साथ बैठे युवक पुलिस को देखकर घबराए हुए नजर आए, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। नियमानुसार तलाशी लेने पर स्कूटी की डिग्गी से 135 ग्राम चरस बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान अनीश ठाकुर (19) निवासी मोहल्ला जुलाहखड़ी, वार्ड नंबर-6, डाकघर, तहसील व जिला चंबा और नमन (20) निवासी गांव व डाकघर इच्छी, तहसील व जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद चरस के साथ स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में पुलिस थाना बैजनाथ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 व 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। कांगड़ा पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है, जिसके तहत गश्त, नाकाबंदी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
नई दिल्ली में बिक्रम ठाकुर ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की। बिक्रम ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर ऊना से विधायक सतपाल सिंह सत्ती भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से संचालित की जा सकने वाली विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई। साथ ही इस बात पर भी विचार-विमर्श किया गया कि केंद्र सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ क्षेत्र के लोगों तक कैसे पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस दौरान पूर्व में केंद्र सरकार द्वारा क्षेत्र को दिए गए सहयोग और स्वीकृत विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। अनुराग ठाकुर ने आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार हमेशा हिमाचल प्रदेश के विकास और जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए कार्य कर रही है और हिमाचल प्रदेश के लिए भी अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ क्षेत्र तक पहुंचे, इसके लिए समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। बैठक में क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, विकास परियोजनाओं और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सभी ने मिलकर क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देने और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।
पुलिस जिला नूरपुर की CIA टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डमटाल क्षेत्र के अंतर्गत गाँव छन्नी में एक घर पर दबिश देकर 12.76 ग्राम हेरोइन बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार CIA नूरपुर की टीम डमटाल क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान NDPS अधिनियम की धारा 41(2) के तहत प्राप्त वारंट के आधार पर गाँव छन्नी स्थित एक घर की तलाशी ली गई। तलाशी की कार्रवाई नियमानुसार गवाहों की मौजूदगी में की गई। तलाशी के दौरान घर के एक कमरे में रखे फूलदान के अंदर से 12.76 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान बबली (29), पत्नी सुरिंदर उर्फ झांडी, निवासी गाँव छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में की है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में पुलिस थाना डमटाल में NDPS अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मादक पदार्थ की तस्करी में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति और न्यायालय में प्रभावी पैरवी के चलते एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। माननीय न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी (JMFC) इंदौरा की अदालत ने NDPS एक्ट के एक मामले में आरोपी को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2016 में थाना इंदौरा के अंतर्गत पुलिस ने संजीव कुमार उर्फ प्रिंस पुत्र अशोक कुमार, निवासी वार्ड नंबर-3 डमटाल, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा को 3.90 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस टीम ने मामले की गहन जांच कर पुख्ता साक्ष्य न्यायालय में प्रस्तुत किए। मामले की सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय ने 5 मार्च 2026 को आरोपी संजीव कुमार को दोषी ठहराते हुए एक वर्ष के कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में आरोपी को अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। पुलिस के अनुसार दोषी संजीव कुमार एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ डमटाल और इंदौरा क्षेत्रों में चोरी, मारपीट, अवैध शराब तस्करी और एनडीपीएस अधिनियम के तहत कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। नूरपुर पुलिस का कहना है कि इस सजा से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों को कड़ा संदेश गया है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। अपराधियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने के लिए हिमाचल पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
तहसील खुंडियां के गांव बलाहड़ की कौशल्या देवी का सेना सहारा बनी। फरवरी 1972 में उनके माता-पिता ने उनका विवाह किया था। कुछ समय तक सब कुछ ठीक चलता रहा, लेकिन बाद में उनके पति की नौकरी चली गई और परिवार का गुजारा मेहनत-मजदूरी से होने लगा। दिसंबर 2009 में अचानक उनके पति का निधन हो गया, जिसके बाद कौशल्या देवी अपने माता-पिता पर निर्भर हो गईं। कोरोना काल के दौरान अप्रैल 2020 में उनके पिता लाल सिंह का देहांत हो गया और चार साल बाद जून 2024 में उनकी माता विद्या देवी भी चल बसीं। इससे कौशल्या देवी पूरी तरह अकेली रह गईं और आर्थिक संकट का सामना करने लगीं। पूर्व सैनिक लीग खुंडियां के चेयरमैन एवं समाजसेवी रिटायर्ड कर्नल एम.एस. राणा ने बताया कि जुलाई 2024 में डीएससी रिकॉर्ड के माध्यम से कौशल्या देवी की डिपेंडेंट पेंशन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी। रिकॉर्ड में उनकी जन्म तिथि और सिविल दस्तावेजों में अंतर पाया गया, जिसे ठीक करवाने में लगभग एक वर्ष का समय लगा। सितंबर 2025 में पूर्व सैनिक लीग खुंडियां की टीम ने सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार कर जिला सैनिक कल्याण विभाग धर्मशाला के माध्यम से रिकॉर्ड कार्यालय भेजे। इसके बाद सेना की ओर से कौशल्या देवी को लगभग 18 हजार रुपये की मासिक डिपेंडेंट पेंशन स्वीकृत कर दी गई, जिससे उन्हें आर्थिक सहारा मिला है। कौशल्या देवी ने इस सहयोग के लिए भारतीय सेना, जिला सैनिक कल्याण विभाग धर्मशाला के डिप्टी डायरेक्टर कर्नल गोपाल सिंह गुलेरिया तथा पूर्व सैनिक लीग खुंडियां की टीम—कर्नल एम.एस. राणा, कैप्टन कर्म सिंह, कैप्टन कश्मीर सिंह, सूबेदार मेजर माधो राम, सूबेदार मेजर रणबीर सिंह और नायब सूबेदार अमर सिंह—का निस्वार्थ सेवा के लिए आभार व्यक्त किया है। कर्नल राणा ने बताया कि ऐसे मामलों में उन्हीं बेटियों को डिपेंडेंट पेंशन मिलती है जिनके परिवार की मासिक आय नौ हजार रुपये से कम हो और जो अन्य निर्धारित शर्तों को भी पूरा करती हों। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक लीग खुंडियां सैन्य परिवारों के कार्यों में मदद करने के लिए हमेशा तत्पर रहती है और खुंडियां के अलावा बाहरी क्षेत्रों के परिवार भी यहां से अपने कार्य करवाने आते हैं।
पठानकोट से संबंध रखने वाले युवा इशित महाजन ने मुंबई में पंजाब का नाम रोशन किया है। उन्होंने फैशन डिजाइनिंग में राष्ट्रीय स्तर की डिजाइनिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इशित के पिता रॉकी एक टेलर हैं और पठानकोट में रॉकी स्टूडियो नाम से टेलरिंग की दुकान चलाते है, जबकि इशित एटलस स्किल टेक युनिवर्सिटी मुंबई में फैशन डिजाइनिंग के छात्र हैं और भारत भर से फैशन डिजाइनिंग में 10 हजार डिजाइनर में से पहले उसने टॉप 16 में जगह बनाई और अब प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल पठानकोट बल्कि पूरे पंजाब का नाम मुंबई में चमकाया है। उन्होंने लिवा प्रोटेज विनर का खिताब अपने नाम किया है।
बाबा कांशी राम राजकीय महाविद्यालय डाडासीबा के करियर एवं मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा करियर पॉइंट अकादमी डाडासीबा के सहयोग से महाविद्यालय परिसर में एक विशेष करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम प्रभारी डॉ. राम पाल द्वारा स्वागत भाषण के साथ किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहने तथा समय का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर रजनी संख्यान ने अपने संबोधन में छात्र जीवन में करियर के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में सही मार्गदर्शन, निरंतर परिश्रम और उचित रणनीति के माध्यम से विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं संसाधन व्यक्ति मनोज कुमार, निदेशक-सह-स्वामी, करियर पॉइंट अकादमी डाडासीबा ने करियर के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सरकारी एवं गैर-सरकारी क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति तथा समय प्रबंधन के महत्व पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। विद्यार्थियों ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. राम पाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रोफेसर दविंदर सिंह, प्रोफेसर खेम चंद, सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष अंजना देवी तथा अधीक्षक ग्रेड–II कुंता देवी सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
हरिपुर में 27 फरवरी को सुबह 09:00 बजे से सायं कार्य समाप्त होने तक 11 के.वी. दौलतपुर फीडर के जरूरी रखरखाव हेतु फीडर के अंतर्गत आने वाले गांवों जोकि दौलतपुर, तकीपुर, जलाडी, कुल्थी, धमेड, जन्यांकड़, घट्टा, जतेहर, चौंदा, कोपर लाहड, टल्ला, तर्खानकर, रसूह तथा फर्ना आदि की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी सहायक अभियंता आदित्य सूद ने दी। साथ ही धीरा में भी विद्युत उपमंडल डरोह के अंतर्गत आने वाले विद्युत अनुभाग कार्यालय धीरा की 11 के.वी. काहनफट फीडर की नई 11 के. वी. लाइन के दूसरे चरण का कार्य आरंभ किए जाने के कारण भदरोल, काहनफट, पनयाली, लाहरु आदि गांवों में 27 फरवरी को सुबह 9:30 बजे से लेकर कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी सहायक अभियन्ता सुभाष कुमार ने दी।


















































