यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने ट्वीट किया कि शुरुआती लक्षण दिखने पर उन्होंने कोविड की जांच करवाई और उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है और वे चिकित्सकों के परामर्श का पूर्णतः पालन कर रहे है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार की सभी गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। इस बीच जो लोग भी उनके संपर्क में आएं हैं वह अपनी जांच अवश्य करा लें और एहतियात बरतें। बता दें कि मंगलवार को मुख्यमंत्री के करीबी अफसरों मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल, विशेष सचिव अमित कुमार सिंह, ओएसडी अभिषेक कौशिक के अलावा एक निजी सचिव व एक निजी सहायक में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद को आइसोलेट कर लिया था। संक्रमण के मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच जाने से शासन में हड़कंप मच गया है। मुख्यमंत्री के साथ रहने वाले तीन अफसरों के साथ निजी सचिव जयशंकर व निजी सहायक प्रताप के संक्रमित होने की पुष्टि होने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर उनके सरकारी आवास तक सतर्कता बरती जा रही है। शासन व सरकार में बेहद अहम जिम्मेदारी निभाने वाले कई अन्य अफसर भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बता दें कि बुधवार सुबह ही समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी कोरोना की चपेट में आए हैं। उन्होंने ट्वीट कर यह जानकारी दी और अब खुद को उन्होंने आइसोलेट कर लिया है। अखिलेश यादव हाल ही में कुंभ का दौरा करके भी लौटे थे।
हिमाचल प्रदेश में काेराेना बेकाबू हाे चुका है। हालांकि लाेग काेविड-19 के नियमों का पालन भी कर रहे हैं लेकिन हर रोज़ कम से कम पांच साै का आंकड़ा पार हाे रहा है। बीते साेमवार काे 1 हजार 89 केस सामने आए थे। आज दाेपहर दाे बजे तक प्रदेश में 148 लाेग पाॅजिटिव आए और चार लाेगाें की माैत भी हाे गई। ऐसे में अब शाम सात बजे की रिपोर्ट आने तक यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है। प्रदेश में अभी 5840 एक्टिव केस हैं और 1115 लाेगाें की माैत हाे चुकी है। वहीं, दूसरी तरफ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पिछले कल काेराेना पाॅलिटिव पाए गए और आज उन्हें इलाज के लिए माेहाली एक निजी अस्पताल में ले जाया गया।
पश्चिम बंगाल में चुनाव के बीच कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है। आठ चरणों में चुनाव से गुजर रहे पश्चिम बंगाल में राजनीतिक रैलियों में भीड़ के साथ ही कोरोना के केस भी बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। पश्चिम बंगाल में मृत्यु दर 1.7 प्रतिशत हो गई है, जो देश में तीसरे नंबर पर है और महाराष्ट्र के बराबर ही है। जबकि पूरे देश में यह आंकड़ा 1.3 प्रतिशत का है। इससे पता चलता है कि चुनावी राज्य में भी कोरोना जमकर पैर पसार रहा है। देश में संक्रमण दर के मामले में पश्चिम बंगाल 7वें नंबर पर है। बंगला में संक्रमण दर 6.5 प्रतिशत है, जबकि पूरे देश में यह आंकड़ा 5.2 प्रतिशत का है। वहीं पड़ोसी राज्यों बिहार, झारखंड, असम और ओडिशा से तुलना करें, तो पश्चिम बंगाल में कोरोना मरीजों की तुलना में तेज़ी से इजाफा देखने को मिला है। कुल संक्रमण दर का आंकड़ा कुल जांच संख्या में संक्रमित पाए गए लोगों के आधार पर निकाला जाता है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,61,736 नए मामले आए और 879 संक्रमितों की मौत हुई। इसके बाद महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहे भारत में अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 1,36,89,453 हो गई और मरने वालों का आंकड़ा 1,71,058 है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अनुसार, भारत में अब तक कोरोना वायरस के लिए कुल 25,92,07,108 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 14,00,122 सैंपल केवल मंगलवार को टेस्ट किए गए। देश में 16 जनवरी से कोरोना वैक्सीनेशन की शुरुआत हुई और अब तक यहां कुल 10,85,33,085 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई जा चुकी है। हालांकि कई राज्यों से वैक्सीन के स्टॉक की कमी बताई जा रही है। इसके मद्देनजर कोविशील्ड और कोवैक्सीन के साथ अब ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने स्पुतनिक-V वैक्सीन इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए भी मंजूरी दे दी है। मंत्रालय के अनुसार, देश में संक्रमण से स्वस्थ होने के दर में गिरावट आई है। आंकड़ों के मुताबिक आज दर्ज 879 नए संक्रमितों की मौत में महाराष्ट्र से 258, छत्तीसगढ़ से 132, दिल्ली से 72, उत्तर प्रदेश से 72, गुजरात से 55, कर्नाटक और पंजाब से 52-52, मध्यप्रदेश से 37, राजस्थान से 25, तमिलनाडु और झारखंड से 19-19, हरियाणा और पश्चिम बंगाल से 14-14,और आंध्र प्रदेश व केरल से 11-11 नई मौतें दर्ज हुई हैं। मंत्रालय इस बात पर जोर दे रही है कि 70 फीसद से अधिक संक्रमितों की मौत का कारण कोमोरबिड यानि अन्य गंभीर बीमारियां हैं।
पिछले 24 घंटे में सभी अर्धसैनिक बलों में 407 कोरोना संक्रमण के नए केस सामने आए, इनमें CRPF में 46 कोरोना के केस सामने आए हैं तो वहीं BSF में सबसे अधिक 288 कोरोना संक्रमित पाए गए है। CISF में पिछले 24 घंटे में 65 जवान कोरोना पॉजिटिव हुए हैं, तो SSB में कोरोना के सिर्फ 6 केस में सामने आए। ITBP और NSG में भी एक-एक जवान कोरोना संक्रमित हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक इस समय अर्धसैनिक बलों में कुल एक्टिव कोरोना केस की संख्या 1540 हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए आज दोपहर 12 बजे समीक्षा बैठक बुलाई है। बैठक में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अलावा स्वास्थ्य मंत्री, मुख्य सचिव और स्वास्थ्य सचिव शामिल होंगे। बता दें कि रविवार को दिल्ली में कोरोना के नए मामलों ने नया रिकॉर्ड बनाया,10,774 नए मामले सामने आए।





