देहराल: नैहरपुखर के दीप कुमार पर आवारा सांड ने नुकीले सीगों से पेट पर किया वार

नैहरनपुखर में आवारा पशुओं की समस्या अब जानलेवा बनती जा रही है। ताजा घटना में 55 वर्षीय दीप कुमार को एक आवारा सांड ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। दीप कुमार मेहनत-मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे, तभी नैहरनपुखर हाईवे पर अचानक पीछे से एक सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने अपने नुकीले सींगों से उनके पेट पर जोरदार वार किया जिससे दीप कुमार के पेट की आतें तक बाहर निकाल दी थी, जिससे वे बुरी तरह लहूलुहान हुए दीप कुमार का आसपास के लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े और किसी तरह सांड को वहां से भगाया। घायल दीप कुमार को तत्काल सिविल अस्पताल, देहरा ले जाया गया। हालांकि, उनकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज, कांगड़ा रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, उनके पेट में गहरे घाव हुए हैं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
इससे पहले भी हो चुका है हमला
यह पहली बार नहीं है जब नैहरनपुखर क्षेत्र में किसी व्यक्ति पर आवारा सांड ने हमला किया हो। इसी सप्ताह, नैहरनपुखर चौक पर एक अन्य व्यक्ति, रक्कड़ निवासी सुरजीत सिंह धीमान पर भी इसी सांड ने हमला किया था। सुरजीत सिंह को भी गंभीर चोटें आई थीं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सांड बेहद आक्रामक हो गया है और आए दिन राहगीरों पर हमला करता है।
स्थानीय लोग परेशान, प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और गुस्सा दोनों देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सांड लंबे समय से इलाके में घूम रहा है और कई बार लोगों को घायल कर चुका है। बावजूद इसके, प्रशासन ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। गांव के बुजुर्गों और व्यापारियों ने बताया कि यह सांड अक्सर नैहरनपुखर चौक, बाजार और हाईवे के आसपास घूमता रहता है। कुछ महीने पहले भी इसने एक स्कूली बच्चे को दौड़ा लिया था, लेकिन उस समय कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ था। अब लगातार हो रहे हमलों ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।