हिमाचल: प्रदेश के तापमान में गिरावट, अगले 6 दिन मौसम साफ रहने के आसार
प्रदेश में नवंबर आने से पहले ही ठंड का सिलसिला जारी हो गया है। प्रदेश के कई इलाकों के न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। प्रदेश में अगले छह दिन मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। मौसम विभाग केंद्र शिमला के अनुसार पहाड़ों पर तीन नवंबर तक बारिश व बर्फबारी के कोई आसार नहीं है। मगर एक नवंबर के बाद रात के तापमान में गिरावट शुरू होगी। प्रदेश के चार शहरों का तापमान पहले ही 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर चुका है, जबकि 13 शहरों में 10 डिग्री सेल्सियस से कम है। केलांग का न्यूनतम तापमान माइनस 0.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क चुका है। इस सीजन में शिमला का न्यूनतम तापमान भी पहली बार 9.4 डिग्री और मनाली का तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। कुकुमसेरी का तापमान 0.2 डिग्री, कल्पा का 3.8 डिग्री और ताबो का न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस रह गया है।
