विनायक ठाकुर। जसवां:परागपुर जसवां:परागपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ती ग्राम पँचायत सरड डोगरी में लगभग 15 साल पहले कृषि विभाग द्वारा जनता की सहूलियत के लिए कृषि ग्राम प्रसार अधिकारी कार्यालय का निर्माण किया गया था परन्तु दुख का विषय है की आज दिन तक विभागीय अधिकारी यहां पर किसी कर्मचारी को तैनात नहीं कर पाए और इसका सीधा खामियाजा यहाँ के स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। आपको बता दें लाखो रुपये की लागत से बनी यह इमारत जर्जर हालत में है जिसकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है। आलम यह है कि सरड डोगरी में बनी उक्त इमारत की हालत बिल्कुल खस्ता हो चुकी है । स्थानीय पंचायत प्रधान रूप कुमार ने कहा कि विभाग को कई दफा इस मामले पर ध्यान देने को कहा गया परंतु हर बार उनके द्वारा अनदेखा ही किया गया। पँचायत द्वारा विभाग से यह तक कहा गया है कि कृषि विभाग से अगर यह नहीं सम्भल रहा है तो पँचायत को दे दें पर उनके द्वारा नजरअंदाज कर दिया गया । उक्त इमारत की हालत दयनीय बनी हुई है । जगह-जगह दरारें पड़ चुकी हैं जिससे काफी खतरा है। जब इस सन्दर्भ में कृषि विभाग एडीओ परागपुर एम.एम शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि स्टाफ की कमी के चलते यह समस्या आ रही है । इसी वजह से वहां पर कर्मी तैनात नहीं कर पाए । प्रयास किया जा रहा है की जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाए।
विनायक ठाकुर। ज्वालामुखी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सौजन्य से ग्राम पंचायत खुंडिया व बस स्टैंड जवालामुखी में लोगों को गीत संगीत एवं नुकड़ नाटक के माध्यम से टीबी रोग के बारे में जानकारी प्रदान की। कलाकारो ने लोगो को समझाने का प्रयास किया और टीबी के लक्षणों और जिन कारणों से टीबी रोग हो सकता है, उसके बारे में लोगो में जागरूकता लाने कि कोशिश की। डॉट्स दवाईयो के सेवन से इसका पूर्णता इलाज किया जा सकता है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, पंचायत प्रधान, स्वास्थ्य कर्मचारी, आशा वर्कर व लगभग 300 के करीब लोग उपस्थित रहे। कलाकारों में राजेश हैप्पी, अनु शाही, प्रिया, पंकु, अक्षय, अमित छोटू, परवीन, विनय, अजय, राकेश, अरुण ठाकुर ने अपनी प्रस्तुतियां पेश की ।
विनायक ठाकुर। जसवां:परागपुर केंद्र सरकार ने पेट्रोल डीजल और रसोई गैस के दामों में एक बार फिर से वृद्धि कर भाजपा लाओ महंगाई पाओ के नारे को पुनः सार्थक किया है। पूर्व कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष ठाकुर सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती हुई कीमतों पर कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जनता की मुश्किलों को हल करने के बजाय उन्हें दोनों हाथों से लूटने का क्रम लगातार जारी है। केंद्र सरकार बढ़ी हुई कीमतों को रूस और युक्रेन के बीच छिड़ी जंग होने का तर्क दे रही है जो बिल्कुल भी तर्कसंगत नहीं है। मनकोटिया ने कहा कि आपदा में अवसर तलाशना कोई भाजपा से सीखे। डीजल और पेट्रोल की बढ़ी हुई कीमतों से देश में महंगाई और अधिक आग पकड़ेगी और इसका सीधा असर देश के गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ेगा जो कोविड के कारण पहले ही बेहाल हुए पड़े हैं। मनकोटिया ने कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार गरीब लोगों को उज्ववला योजना के तहत मुफ्त सिलेंडर तो दे रही है, वहीं रसोई गैस की कीमतों को लगातार बढ़ाया जा रहा है जिससे गरीब जनता इन सिलेंडरों को दोबारा भरवाने में भी समर्थ नहीं है। मनकोटिया ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार ने सीमेंट , सरिया , खाद्य पदार्थों और अन्य रोजमर्रा की चीजों के दाम घटाने की बजाय शराब के दाम कम किए हैं जो बेहद निंदनीय है । सरकार देवभूमि को नशेड़ी बनाने पर तुली है तो केंद्र सरकार पेट्रोल , डीजल और रसोई गैस के दाम बढ़ाकर जमकर लूट रही है । केंद्र सरकार पेट्रोल , डीजल और रसोई गैस की कीमतों को बढ़ाने की बजाय कम करते हुए जनता को राहत देने की नीति पर काम करे ।
धर्मशाला। फर्स्ट वर्डिक्ट 24 मार्च को वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया नेे कहा कि सरस मेले जैसे आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं उन्हें प्रोत्साहित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि सरस मेले के आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों को बिना किसी बिचौलियों के अपने उत्पादों को सीधे खरीददारों को बेचने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार सामान गुणवत्ता में अंतरराष्ट्रीय बाजार के स्तर का है और हिमाचल सरकार समूहों को और प्रोत्साहित करने एवं सहायता में कोई कमी नहीं रखेगी। वन मंत्री राकेश पठानिया वीरवार को धर्मशाला के पुलिस मैदान में 10 दिनों तक चलने वाले राष्ट्र स्तरीय सरस मेले में पधारे थे। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किये जा रहे उत्पादों की बेहतर गुणवत्ता होने के कारण समाज में इनकी मांग बढ़ रही है और इससे स्वयं सहायता समूहों के साथ जुड़ी महिलाओं की आर्थिकी भी सुदृढ़ हो रही है। उन्होंने कहा कि इन मेलों के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को विपणन की भी बेहतर सुविधा मिल रही है। राकेश पठानिया ने मेले में लगाए गए प्रत्येक स्टॉल पर जाकर वहां रखे उत्पादों के बारे में जाना और सदस्यों की हौंसला अफजाई की। मेले में नौ राज्यों के स्वयं सहायता समूह भाग ले रहे हैं। मेले में उत्पादों की प्रर्दशनी एवं बिक्री के 92 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद, सजावटी सामान, मसाले सहित अन्य विभिन्न उत्पाद एवं सामग्री रखी गई है। मेले में लोग खरीददारी करके इन स्वयं समूहों के सदस्यों का आर्थिक सहयोग कर रहे हैं। पठानिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के बिना राज्य के विकास के बारे में सोचना संभव नहीं है। इसलिए राज्य सरकार प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को विशेष महत्व दे रही हैे। उन्होंने बताया कि गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के वंचित तबकों के लोगों के कल्याण को ध्यान में रखकर अनेक विकास कार्यक्रम एवं योजनाएं आरंभ की गई हैं। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ लक्षित समूहों तक समयबद्ध सुनिश्चित बनाने के लिये विशेष प्रयास किये जा रहे हैं ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को इन योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके उपरांत वन मंत्री ने आजादी का अमृत महोत्सव प्रदर्शनी का दौरा किया तथा वहां स्थापित किये गये डिजीटल मल्टी मीडिया साधनों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी आम लोगों, विशेषकर युवाओं के लिए काफी प्रेरणादायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि डिजीटल प्रदर्शनी में भारत के स्वतन्त्रता संग्राम तथा विकास के 75 वर्षों के साथ-साथ हिमाचल के स्वतन्त्रता सेनानियों सहित हिमाचल के विकास को चार चांद लगाने वाली योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है।
विनायक ठाकुर। देहरा उपमण्डल देहरा के अंतर्गत तमाम युवाओ ने प्रेस विज्ञापित जारी कर प्रदेश सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मंत्री राजेंद्र गर्ग से मांग की है। युवाओं ने हाल ही में कैबिनेट बैठक में लिए गए 30000 पदों मे से बिजली विभाग के लाइनमैन तथा जूनियर टी मेट तथा हेल्पर के खाली पदों को भरने की घोषणा की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने की अपील की है। उक्त युवाओ ने अनुरोध किया है कि इस प्रक्रिया को 1 महीने के भीतर पूरा किया जाए। उक्त युवाओ ने सरकार से निवेदन किया है कि इस वर्ष सरकार ने हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में सभी सरकारी विभागों के लिए 30000 पदों को भरने की घोषणा की है जिसमें बिजली विभाग के जूनियर टी मेट, लाइनमैन तथा हेल्पर के पद भी शामिल है। इस कैबिनेट बैठक में सरकार ने इन पदों को भरने की मंजूरी तो दे दी है परंतु यह प्रक्रिया बहुत धीमी गति से हो रही है। हमारा सरकार से निवेदन है कि इस प्रक्रिया को 1 महीने के भीतर पूरा किया जाए ताकि हिमाचल के बेरोजगारों को जल्द से जल्द रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि हमारा आपसे एक और निवेदन है कि बिजली विभाग हिमाचल प्रदेश का सबसे महत्वपूर्ण और सबसे बड़ा विभाग है। स्थानीय युवक राहुल राणा, नवीन डोगरा, अभिषेक कुमार, अंशुल ठाकुर, विशाल शर्मा, साहिल, अमित कुमार इत्यादि ने मांग की है सरकार द्वारा 30000 पदों को भरने की घोषणा विभिन्न विभागों में की है। उन पदों में से कम से कम इस विभाग में 2000 पदों को भरा जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा बेरोजगारों को रोजगार मिल सके।
पालमपुर। फर्स्ट वर्डिक्ट हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र आम आदमी पार्टी संगठन को मज़बूती देने में लगी हुई है। प्रदेश में आम आदमी पार्टी का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को कांग्रेस के प्रदेश सचिव करूण शर्मा ने आम आदमी पार्टी का हाथ थामा। करूण शर्मा हिमाचल के पालमपुर विधानसभा से सम्बन्ध रखते है। प्रदेश प्रभारी रत्नेश गुप्ता ने गर्मजोशी से दिल्ली में आम आदमी पार्टी में उन्हें शामिल करवाया। करूण शर्मा ग्राम पंचायत सिद्धपुर से प्रधान रह चुकें हैं जो पालमपुर विधानसभा का एक बड़ा हिस्सा है। प्रभारी रत्नेश गुप्ता के मुताबिक़ करूण शर्मा की ज्वाइनिंग से पार्टी को फ़ायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह बात साफ़ है कि हिमाचल के लोगो के साथ कांग्रेस और बीजेपी के बड़े नेता भी अब भ्रष्टाचार मुक्त सरकार लाना चाहते है और जनता पूरी तरह बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि जनता अब कांग्रेस और बीजेपी के एक बार तेरी - मेरी सरकार की पॉलिसी से परेशान हो चुकी है।
नरेंदर डोगरा। जयसिंहपुर एसडीएम पालमपुर एवं छिंज मेला समिति के अध्यक्ष डॉ अमित गुलेरिया ने बताया कि 28 मार्च को ऐतिहासिक छिंज मेले का शुभारंभ जयसिंहपुर के विधायक रविंदर धीमान शोभा यात्रा एवं पूजा अर्चना से करेंगे। उन्होंने बताया कि 29 मार्च का दिन महिलाओं के लिये समर्पित किया गया है। उन्होंने बताया कि इसमें दिन में महिलाओं के लिये विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया जाएगा और शाम को पहली सांस्कृतिक संध्या में भी महिला मंडल की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगा। इसके अतिरिक्त सारेगामा फेम पायल ठाकुर एवम मशहूर पंजाबी कलाकार अर्शप्रीत कौर स्टार कलाकार होंगी। उन्होंने बताया कि पहली सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रुप में राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी होंगी जबकि कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रुप में नगरोटा बगवां के विधायक अरुण कुमार शिरकत करेंगे। गुलेरिया ने बताया कि दूसरी सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय एवम लोक कलाकारों के अतिरिक्त शंख बैंड, हिमाचली लोक गायक करनैल राणा तथा नाटी किंग कुलदीप शर्मा अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने बताया कि दूसरी सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में वन युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री, राकेश पठानिया मुख्य अतिथि होंगे जबकि विशेष अतिथि के रूप में वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर शिरकत करेंगे। एसडीएम ने बताया कि तीसरी और अंतिम संस्कृतिक संध्या में स्टार नाइट में बॉलीवुड गायक अरविंद राजपूत तथा मशहूर पंजाबी गायक शिवजोत सिंह अपनी प्रस्तुतियां देंगे और तीसरी सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में उद्योग, परिवहन तथा श्रम मंत्री उपस्थित रहेंगे।
विनायक ठाकुर। जसवां:परागपुर परागपुर विश्राम गृह में राजस्व विभाग द्वारा गुरुवार को जमीनों के इंतकाल चढ़ाए गए। उप तहसील परागपुर में कार्यरत नायब तहसीलदार नाजिर हुसैन ने बताया कि गुरुवार को तीन पटवार सर्कलों परागपुर, गढ़ और बलियाना के लोगों के लिए उनकी जमीनों का इंतकाल चढ़ाने का कार्य किया गया। जिसमें इन तीनों पटवार सर्कलों के 100 के करीब लोगों की जमीनों के इंतकाल चढ़ाए गए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार नाजिर हुसैन के साथ तीनों पटवार सर्कलों के पटवारी व राजस्व विभाग के संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
विनायक ठाकुर। जसवां:परागपुर लोक निर्माण विभाग डाडासीबा के तहत आरा चौक में विभाग के द्वारा एक साइन बोर्ड काफी समय से लगा हुआ है। वहां पर ढलियारा की दूरी 13 किलोमीटर दर्शायी गई है परंतु कुछ दिन पहले नया साइन बोर्ड स्थापित किया गया है। आपको बता दें कि उक्त चोंक पर भी एक नया साइन बोर्ड विभाग द्वारा लगाया गया है जिसमें आरा चौक से ढलियारा की दूरी 12 किलोमीटर दिखाई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है आरा चौक से अब ढलियारा की दूरी 1 किलोमीटर कम कैसे हो गयी। उन्होंने बताया आरा चौक में यह दोनों बोर्ड मात्र 10 मीटर की दूरी पर लगे हैं। जहा एक साइन बोर्ड 12 किलोमीटर दर्शा रहा है और दूसरे पर 13 किलोमीटर। दोनों बोर्ड के अनुसार ढलियारा की दूरी अलग बताई जा रही है। कौन सी सही है, कौन सी गलत, यह बात लोगों में चर्चा का विषय बन चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह लोक निर्माण विभाग की लापरवाही की वजह से यह हुआ है। अन्यथा यह सब कैसे सम्भव हो सकता है। एक बोर्ड पर 12 और दूसरे पर 13 इसमें सही कोनसी है ? इस पर भी सवाल खड़ा हो गया है। वही दूसरी तरफ, इस संबंध में सहायक अभियंता नवदीप सिंह डाडासीबा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि लिखने में कुछ गलती हो गई होगी शीघ्र ही इसे ठीक करवाया जाएगा।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 25 और 26 मार्च को चामुंडा मंदिर के प्रांगण में होगा। इसका शुभारंभ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर करेंगे। इस प्रशिक्षण शिविर में जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा के पदाधिकारिओं की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। प्रदेश प्रशिक्षण विभाग के प्रभारी हरिकृष्ण हिमराल ने बताया कि दो दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में जिला कांग्रेस पदाधिकारियों को आवश्यक तौर पर उपस्थित होने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में कांग्रेस अपने इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर रही है जिसमें पार्टी की नीतियों और उसकी विचारधारा पर कांग्रेस पार्टी के प्रशिक्षित संयोजक अपने व्यख्यान के साथ साथ पार्टी की भावी रणनीति पर भी अपने अपने विचार प्रस्तुत करते है। हिमराल ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण विभाग के दिशा निर्देश पर पार्टी के सभी पदाधिकारियों को इन प्रशिक्षण शिवरों में भाग लेने को कहा है।
अनूप। सुजानपुर सामुदायिक सशक्तिकरण हमारे समस्त विकास कार्यक्रमों के केंद्र में है और इस लक्षित सशक्तिकरण की प्राप्ति और स्थायित्व में सामाजिक और सामुदायिक व्यवहार परिवर्तन संचार की महत्वपूर्ण भूमिका है। उक्त विचार उपमंडल अधिकारी (नागरिक) सुजानपुर डॉ हरीश गज्जू ने बाल विकास परियोजना अधिकारी सुजानपुर के सौजन्य से आहूत बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सशक्त महिला योजना व आईसीडीएस की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त कहे। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि लक्षित समुदायों को सही सूचना मिले, वे सेवा/योजना के महत्व के बारे में जाने व स्वैच्छिक रूप से उससे जुड़े। इस संबंध में सेवा प्रदाता के रूप में बाल विकास परियोजना सुजानपुर सराहना की पात्र है। बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ योजना में अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं के क्षमता निर्माण, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के प्रबोधन, किशोरी मेलों के आयोजन, नवजात कन्या शिशुओं की माताओं के सार्वजनिक सम्मान, बेटी जन्मोत्सवों के आयोजन, किशोरी बेटियों के लिए तनाव प्रबंधन एवं कैरियर परामर्श कार्यशालाओं, लिंग संवेदीकरण कार्यशालाओं तथा विविध क्षेत्रों में सफलता के झंडे गाढने बाली चैंपियन बेटियों के सार्वजनिक सम्मान के द्वारा परियोजना बेटियों और महिलाओं के प्रति सामाजिक दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन लाने और गिरते बाल लिंगानुपात को पढ़ने में सफल रही है। उन्होंने सुजानपुर मंडल क्षेत्र में पोषण अभियान के अंतर्गत स्वस्थ बाल बालिका स्पर्धा, पोषण जागरूकता शिविरों, रक्त अल्पता पहचान कार्यशालाओं, स्वास्थ्य जांच शिविरों, सामुदायिक BMI आकलन जैसी हस्तक्षेपों द्वारा इष्टतम पोषण को बढ़ावा देने व पोषण जागरूकता को जन आंदोलन का स्वरूप देने के परियोजना के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी संबंधित हितकारी विभागों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से इस संबंध में समग्र दृष्टिकोण अपनाने व जनहित की योजनाओं को एकीकृत मंच प्रदान करने की संभावनाओं पर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर हुई चर्चा पर जानकारी देते हुए उन्होंने कहा वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान परियोजना द्वारा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत 15 लाभार्थियों को 76500 रुपए, मुख्यमंत्री शगुन योजना के अंतर्गत 32 लाभार्थियों को 99200 रुपए, मदर टेरेसा असहाय मातृ संबल योजना के अंतर्गत 75 माताओं को 73200 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत 263 गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को 98600 रुपए तथा बेटी है अनमोल योजना के अंतर्गत 281 बेटियों को 58200 रुपए की लाभ राशि प्रदान की गई। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित एवं विभिन्न विभागों द्वारा कार्यान्वित योजनाओं को एक दूसरे का पूरक मानते हुए उन्हें पूर्ण निष्ठा एवं कर्तव्य परायणता से उन्हें लागू करने पर बल दिया ताकि सभी योजनाओं की वास्तविक लक्ष्य अर्थात स्वस्थ, स्वच्छ एवं भेदभाव रहित समाज की निर्माण को हासिल किया जा सके। बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी रमेश डोगरा, खंड विकास अधिकारी निशांत शर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार, विषयवाद विशेषज्ञ राजेश कुमार, खंड उद्यान विकास अधिकारी निधि, तहसील कल्याण अधिकारी राकेश पुरी, उप निरीक्षक पुलिस थाना सुजानपुर पुष्पेंद्र सिंह, नगर परिषद सुजानपुर की अध्यक्षा शबीना धीमान, प्रधान ग्राम पंचायत दाडला रेखा देवी उपस्थित रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में दूसरी बार पदभार ग्रहण किया। जयराम ठाकुर ने आशा व्यक्त की कि पुष्कर सिंह धामी के सक्षम और दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री आज देहरादून में व्यक्तिगत रूप से पुष्कर सिंह धामी के शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा आज सरस मेले के दौरान रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ उपायुक्त डॉ. निपुण जिन्दल ने स्वयं रक्तदान देकर किया। इस शिविर में विधायक विशाल नैहरिया और पुलिस अधीक्षक खुशहाल शर्मा ने भी रक्तदान किया। उपायुक्त ने कहा कि जिला रेडक्रास सोसाइटी निर्धन तथा जरूरतमंद लोगों की मदद की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को रेडक्रास सोसाइटी के साथ जुड़कर मानव सेवा के प्रकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए, ताकि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद लोगों की मदद हो सके। इससे पहले उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि कांगड़ा जिला रेडक्रास सोसाइटी के माध्यम से कई सामाजिक प्रकल्प चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला रेडक्रास सोसाइटी जिला भर में मेडिकल कैंपों के आयोजन के साथ-साथ दिव्यांग लोगों को उपकरण भी उपलब्ध करवा रही है। इसके साथ ही गरीब तथा जरूरतमंद लोगों को समय समय पर उपचार के लिए आर्थिक मदद भी उपलब्ध करवाती है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला रेडक्रास सोसाइटी के सामाजिक प्रकल्पों के विस्तारीकरण के लिए भी कार्ययोजना तैयार की गई है। विधायक विशाल नैहरिया ने कहा कि युवाओं को पुनीत कार्य में भाग लेना चाहिए और वर्ष में तीन बार रक्तदान करना चाहिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि इस शिविर में 124 व्यक्तियों ने रक्तदान किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान (एलोपेथी एवं आयुर्वेदिक) एकीकृत चिकित्सा जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें 211 रोगियों की जांच की गई और पौषाहार को लेकर आवश्यक जानकारियां भी लोगों को दी गईं। सचिव, रेडक्रॉस सोसायटी ओ.पी.शर्मा ने बताया कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी उपलब्ध करवाए गए जिसमें 55 दिव्यांगों को सहायक उपकरण आवंटित किए गए, जिसमें 4 सीपी चेयर, 16 कान की मशीनें, एक क्रच, 3 वॉकिंग स्टिक, 10 व्हील चेयर, बैसाखी एक जोड़ी, स्मार्ट बैंत, वॉकर एक, 11 एमआर किट्स और एक रोलेटर उपलब्ध करवाया गया। इसके उपरांत उपायुक्त ने पुलिस मैदान में लगाई गई प्रदशनियों का अवलोकन भी किया।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवा शक्ति को खेलों एवं सामाजिक सेवाओं से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनाया है। गत सवा चार वर्षों में युवाओं को विभिन्न खेल एवं युवा विकास सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं, जिससे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर हुआ है। सरवीन चौधरी आज शाहपुर विधान सभा क्षेत्र के नागनपट्ट, बंडी व कल्याड़ा में 3.21 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले प्री-फेब्रिकेटड भवन की आधारशिला रखने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबाेधित करते हुए बोल रहीं थी। उन्होंने कहा कि इस इंडाेर स्टेडियम के बनने से खिलाड़ियों को सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इसके उपरांत सरवीन चौधरी ने 17 लाख की लागत से खेल मैदान बंडी, कल्याड़ा और ग्राम पंचायत नागनपट्ट के विस्तारीकरण व सौंदर्यकर्ण की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि इस खेल मैदान के तैयार होने से बच्चों को खेलने के लिए उचित स्थान मिलेगा। सरवीन ने कहा कि गांव बंडी में दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना में लगभग 500 मीटर लंबी एलटी लाइन बनाई गई है। इसमें लगभग तीन लाख खर्च किए गए हैं। गांव कल्याडा बस्ती में 25 केवीए के ट्रांसफार्मर को बड़ा करके 63 कवीए का ट्रांसफर रखा जाना है, इसमें एक लाख व्यय होंगे। मुख्यमंत्री रोशनी योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों को नए कनेक्शन लगाए गए हैं। रजोल में चार करोड़ की लागत से 33 केवीए का सब स्टेशन बनाया गया है, जिसमें बंडी कल्याडा बन्ना गणपत गांव को भी जोड़ा जाएगा। गांव नागन पट्ट में 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है, जिसमें एलटी लाइन और एचटी लाइन सहित लगभग 14 लाख रुपए व्यय होंगे। उन्होंने कहा कि नाबार्ड के अंतर्गत बहाव सिंचाई योजना बदोदर कूहल निर्माण पर 139.19 लाख व्यय होंगे। इसके अतिरिक्त पेयजल योजना बंडी, रच्छयालू व परगोड़ पर 3190.34 लाख व्यय होंगे। उन्होंने कहा कि नागनपट्ट में मेला ग्राऊंड में शैड निर्माण पर पांच लाख व्यय किए गए हैं। कुनाल पत्थरी महिला मंडल भवन कलियाड़ा के भवन निर्माण पर 1.50 लाख तथा रजोल घरोड सड़क के सौन्दर्यकरण पर 20 लाख रुपये व्यय किये गये हैं। इसके अतिरिक्त नागन पट्ट में पीएचसी के भवन निर्माण पर 40 लाख व्यय किये जाएंगे। सरवीन ने सुनी जन समस्याएं सरवीन चौधरी ने नागनपट्ट में लोगों की समस्याओं को सुना अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया और शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर बीडीओ रैत लतिका सहजपाल, एसडीओ पीडब्लयूडी विवेक कालिया, जितेन्द्र प्रकाश, जेई ऋषभ, बीडीसी चेयरमैन विजय चौधरी, प्रधान नागनपट्ट रेखा, प्रधान घरोह तिलक राज शर्मा व योग राज चड्ढ़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
मंत्रालय के कलाकारों ने सरस मेला में आजादी के अमृत महोत्सव पर समा बांधा फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला पुलिस ग्राउंड में आयोजित सरस मेला के दौरान सूचना और प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव पर आयोजित डिजीटल प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है और मंत्रालय के कलाकारों ने मेले में आए लोगों को देश भक्ति के रंग में रंग दिया है। यह जानकारी नोडल अधिकारी व प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो चंडीगढ़ की उप निदेशक सपना ने बताया कि सरस मेले का अवलोकन करने आए उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने आजादी का अमृत महोत्सव प्रदर्शनी में लगे डिजीटल मल्टी मीडिया साधनों की जानकारी ली तथा उन्होंने इस प्रदर्शनी को आम लोगों, विशेषकर युवाओं के लिए अत्याधिक लाभप्रद बताया। उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रम भी धर्मशाला वासियों को बेहद पसंद आ रहे हैं। उल्लेखनीय है, इस डिजीटल प्रदर्शनी में भारत के स्वतंत्रता संग्राम तथा विकास के 75 वर्ष को बड़े रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। हिमाचल के स्वतंत्रता सेनानियों सहित हिमाचल के विकास में भूमिका निभाने वाली केंद्र की योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में वाल ऑफ इंडिपेंडेंस व सेल्फी प्वाइंट विशेष कर युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। साथ ही शाम को चलाए गए फिल्म शो के जरिए सरस मेला में आने वाले लोगों को हमारे स्वतंत्र सेनानियों तथा देश के वीर सिपाहियों की वीरता व संघर्ष के बारे में जानने का करीब से मौका मिला है। दूसरी ओर मंत्रालय से जुड़े कलाकारों ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियां से एक अलग ही समा बांधा है। इन कलाकारों द्वारा प्रस्तुत लोकगीतों व लोक नृत्यों झमाकड़ा तथा पढुवा पर तो जनता झूम उठी और लोगों ने भरपूर मनोरंजन किया।सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रस्तुतीकरण सरस्वती स्वर संगम (धर्मशाला), धौलाधार सांस्ककृतिक युवा मंच (धर्मशाला), त्रिवेणी कला संगम (हमीरपुर) तथा स्वास्तिक आर्ट एंड कल्चर ग्रुप (हमीरपुर) के कलाकारों द्वारा किया गया।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि हमारे पास शहीदों का एक समृद्ध इतिहास है, जिन्होंने देश की खातिर अपना बलिदान दिया। युवाओं को शहीदों से संबंधित पुस्तकों को पढ़ना चाहिए, ताकि वे उनके जीवन से प्रेरित हो सकें और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें। वन मंत्री राकेश पठानिया आज धर्मशाला के शहीद स्मारक में सरदार भगत सिंह बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज का दिन एक बहुत बड़ा दिवस है, जो हमें यह याद दिलाता है कि किस तरीके से इन शहीदों ने कुर्बानी देकर हमें एक आजाद देश का नागरिक बनाया है। उन्होंने कहा कि हमें शहीदों के सर्वोच्च बलिदान के इतिहास को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने शहीद भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को उनके शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने देश की स्वतन्त्रता के लिए अपने जीवन का बलिदान कर दिया था। उन्होंने कहा कि हमें देश के सर्वांगीण विकास को पूरा सहयोग करने के लिए प्रतिज्ञा लेनी चाहिए। इस दौरान वन मंत्री ने शहीद स्मारक का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा शहीद स्मारक में छोटी झील के निर्माण तथा उसके उचित रखरखाव तथा सौन्दर्यकरण के लिए वन विभाग की तरफ से 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस दौरान वन मंत्री ने हिमाचल प्रदेश वार मेमोरियल डेवलपमेंट सोसायटी, धर्मशाला के पदाधिकारियों से विचार-विमर्श किया और उनसे विचार सांझा किए। कर्नल केकेएस डढ़वाल ने वन मंत्री को सोसायटी की गतिविधियों से अवगत करवाया और शहीद स्मारक तथा युद्ध संग्रहालय की जानकारी दी। इस अवसर पर धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया, उपायुक्त डॉ.निुपण जिंदल, पुलिस अधीक्षक खुशहाल शर्मा, एडीएम रोहित राठौर, मुख्य अरण्यपाल डीआर कौशल, एसी डॉ.मदन कुमार, एसडीएम शिल्पी बेक्टा, एएसपी पुनीत रघु, जिला वन अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा, कर्नल केकेएस डढ़वाल, कर्नल गणेश, लेफिटनेंट कर्नल एवं महासचिव हिमाचल प्रदेश भूतपूर्व सैनिक लीग वाय एस राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। गगरेट गगरेट विधानसभा क्षेत्र के समाजसेवी मनीष शारदा ने आज शहीदी दिवस के मौके पर शहीद भगत सिंह अंबोटा चौंक में शहीद भगत सिंह क्लब अंबोटा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर समाजसेवी मनीष शारदा ने कहा कि अपनी जवानी की बलिदानी देकर इन शूरवीरों ने देश की आजादी में एक अहम योगदान दिया है और आज युवाओं को इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए की देश के लिए इन्होंने हंसते-हंसते अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे। उन्होंने कहा कि 23 मार्च को के दिन भगत सिंह के साथ सुखदेव और शिवराम राजगुरु ने भी भारत की आजादी के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमा था। इन तीनों शहीदाें की शहादत को याद करने के लिए हर वर्ष 23 मार्च को शहीदी दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने 23 वर्ष की युवा उम्र में ही मां भारती की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। वहीं, इस सुअवसर के लिए उन्होंने शहीद भगत सिंह क्लब अंबोटा का हृदय की गहराईयों से धन्यवाद किया। इस मौके पर अंबोटा के प्रधान जगजीत सिंह, भगत सिंह क्लब अंबोटा के मनीष, शम्मी राणा, पटेली, होशियार सिंह रोजी, नरेंद्र पिंटू मनीष ठाकुर व समीर कालिया मौजूद रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन सोलन के पुराने जिलाधीश कार्यालय पर भारत की जनवादी नौजवान सभा व स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया ने साझा तौर पर आज रक्तदान शिविर का आयोजन किया। यह शिविर 23 मार्च,1931 को हुई शहीद भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु की शहादत को समर्पित रहा। भारत की जनवादी नौजवान सभा व स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया अपनी स्थापना से लेकर अभी तक लगातार इस दिन को शहीद दिवस के तौर पर पूरे देश में मनाती है व इन अमर शहीदों के आदर्शों को आम जनता के समक्ष रखने का प्रयास करती है। इस रक्तदान शिविर के माध्यम से भारत की जनवादी नौजवान सभा तथा स्टूडेंटस फेडरेशन ऑफ इंडिया ने आम जनता के बीच यह संदेश देने की कोशिश की कि धर्म, जाति, लिंग व संप्रदाय के भेद से ऊपर उठकर आज के समय में युवाओं को मानवता व देश की भलाई के लिए एक साथ मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। देश और दुनिया के स्तर पर जो नफरत की राजनीति आम जनता के समक्ष परोसी जा रही है। युवा पीढ़ी को उसका विरोध करने की आवश्यकता है। इस मौके पर एक बुक स्टॉल भी आयोजित किया गया, जिसमें भगत सिंह व उनके साथियों से जुड़ी पुस्तकें प्रदर्शित की गई। इस बुक स्टाल के माध्यम से आम छात्रों व युवाओं के बीच अमर शहीदों के विचारों का प्रसार करने का कार्य किया गया। इस रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस गतिविधि में एसएफआई तथा डीवाईएफआई के शिवानी, संतोष, आर्यन, रिशु, देवयानी, संजय, राकेश, अजय, राघव, संजय, वंशिका, अंकिता, कृतिका, रजत व मयंक आदि मौजूद रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन अटल शिक्षा कुंज, कालूझिंडा स्थित आईईसी विश्वविद्यालय में आज विश्व जल दिवस के अवसर पर जिला सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल के ब्लड बैंक यूनिट के सहयोग से रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर कर्नल विक्रमजीत सिंह पनाग, कमांडिंग ऑफिसर–1 (हिमाचल प्रदेश एनसीसी बटालियन सोलन), मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थित रहे। उन्होंने इस शिविर में 25वीं बार रक्तदान कर सभी को इस पुण्य कार्य को करते रहने के लिए प्रेरित किया। आईईसी विश्वविद्यालय की शिविर आयोजन समिति ने समस्त तैयारी सुनियोजित तरीके से करते हुए विश्वविद्यालय परिसर के निकटवर्ती गांव में शिविर से संबंधित सूचना दे दी थी। इसके चलते आसपास के लोगों सहित पॉलिटेक्निक नानकपुर के छात्रों ने भी बड़े उत्साह के साथ शिविर में भाग लिया। ब्लड बैंक यूनिट की ओर से डॉ. भाविका और उनकी टीम ने सभी इच्छुक रक्तदाताओं के स्वास्थ्य की जांच करने के पश्चात रक्तदान के लिए सहमति दी। शिविर में ब्लड बैंक यूनिट के नियमानुसार कुल 50 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया जो की बहुत उल्लेखनीय है। आईईसी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) शमीम अहमद ने शिविर के सफल आयोजन के लिए कार्यक्रम संयोजक और सोलन क्षेत्रीय अस्पताल ब्लड बैंक यूनिट का धन्यवाद करते हुए सभी के स्वास्थ्य की कामना की और भविष्य में इस तरह के पुण्य स्वरूप कार्य करते रहने की बात कही।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट बुधवार को अर्की विधानसभा क्षेत्र की आम आदमी पार्टी की बैठक का आयोजन अध्यक्ष जीतराम की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें शहीदी दिवस पर शहीदों को नमन किया गया। बैठक में सभी पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए व नए सदस्यों को भी शामिल किया गया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 6 अप्रैल को आम आदमी पार्टी की मंडी में होने वाली विशाल रैली में जिसको आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान संबोधित करेंगे। वहीं, बैठक में विचार-विमर्श किया कि इस रैली में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और जनता को ले जाने पर सहमति बनी है।
नादौन। फर्स्ट वर्डिक्ट बुधवार को शहीदी दिवस पर इंकलाब संस्था रंगस द्वारा रंगस क्षेत्र में रक्तदान शिविर का ओयाजन किया गया। आम आदमी पार्टी ओबीसी विंग के राज्य संगठन मंत्री शैंकी ठुकराल और राज्य किसना मोर्चा उपाध्याक्ष मुल्खराज चौधरी ने शिरकत की और उन्हें इस दौरान सम्मानित भी किया गया। विपन चौधरी, दीपक चौधरी, रोहित चौधरी और आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ता इस दौरान शामिल रहे।
अनूप पाेवारी। सुजानपुर राजकीय कन्या उच्च पाठशाला सुजानपुर की दो छात्राओं अंचल और रिया को मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। स्कूल के कार्यकारी मुख्याध्यापक मनीष कुमार ने बताया कि दोनों छात्राएं ने वर्ष 2021 में आयोजित दसवीं की परीक्षा में मेरिट में स्थान प्राप्त किया था।
अनूप पाेवारी । सुजानपुर नगर परिषद सुजानपुर ने भवन मालिकों को हाउस टैक्स में लाभान्वित होने को लेकर 20 प्रतिशत की छूट का प्रावधान कर दिया है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में हाउस टैक्स जमा करवाने वाले उपभोक्ताओं को हाउस टैक्स की राशि में 20 प्रतिशत की छूट होगी, जो कि 31 मार्च तक रहेगी। योजना का लाभ उठाने के लिए अब तक लाखों रुपए की धनराशि दिन-प्रतिदिन जमा होने लगी है। नगर परिषद सुजानपुर में कुल 9 वार्ड हैं, जिनमें सैकड़ों के करीब दुकानों व घरों का हाउस टैक्स नगर परिषद को आता है। नगर परिषद सुजानपुर का हाउस टैक्स भी आमदनी का बहुत बड़ा स्रोत है। 24 लाख के करीब का हाउस टैक्स है। नगर परिषद जनता को राहत देने के लिए हर वर्ष 20 प्रतिशत हाउस टैक्स की राशि में छूट देने का प्रावधान करती आई है। इस बार भी 31 मार्च तक 20 प्रतिशत छूट की योजना चला रखी है, जिसके चलते रोजाना हजारों रुपए की राशि नगर परिषद कार्यालय में जमा हो रही है। अब तक नगर परिषद कार्यालय में 13 लाख के करीब धनराशि हाउस टैक्स के रूप में जमा हो चुकी है, जबकि यह छूट का 31 मार्च तक चलेगी। इस संबंध में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि नगर परिषद हमेशा जनता के हितों को लेकर निर्णय लेती है, जिससे जनता के साथ-साथ नगर परिषद भी समय-समय पर लाभान्वित हो इसके लिए जनता को भी सहयोग करना चाहिए।
दाड़लाघाट। मनोज शर्मा बुधवार को राजकीय महाविद्यालय अर्की में शहीदी दिवस के उपलक्ष्य पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा शहीदों की इस पुन्य तिथी पर उन्हे पुष्पांजलि दी गई तथा उनके बलिदान को याद करते हुए उन्हे शत शत नमन किया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कि अध्यक्ष अकिंता ठाकुर सचिव हर्षा शर्मा तथा कार्यकर्ता हर्ष, दिलीप, निकिता तथा अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
मनोज शर्मा। दाड़लाघाट स्थानीय युवाओं ने दाड़लाघाट में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जनसेवा कार्य करने का निर्णय लिया गया, जिसके तहत वी स्पोर्ट फ़ॉर टुमारो निजी संस्था के नाम से एक एनजीओ का गठन किया गया। इस मौके पर अध्यक्ष हेमराज ठाकुर (बिक्की) ने कहा कि वी सपोर्ट फॉर टुमारो निजी संस्था की इसलिए शुरुआत की गई है कि इस संस्था के माध्यम से बाल शिक्षा और अन्य सामाजिक गतिविधियों में सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था के अंतर्गत सामाजिक गतिविधियों में निस्वार्थ समाजिक सेवा देने का प्रस्ताव पारित किया है। उन्होंने कहा कि इस संस्था के माध्यम से मुख्यतः ज़रूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग व स्वास्थ्य तथा अन्य प्रकार के सामाजिक कार्यों में सुधार करने की हर संभव कोशिश की जाएगी। इतना ही नहीं उक्त बैठक में संस्था की कार्यकारणी का गठन भी किया गया, जिसकी अध्यक्षता जोगिंद्र राणा द्वारा की गई। इस मौक पर कार्यकारिणी के अध्यक्ष हेमराज ठाकुर, सचिव अक्षय ठाकुर, उपाध्यक्ष देवी लाल, मनोज ठाकुर, मनदीप ठाकुर, हितेश, सहसचिव सुनील वर्मा, प्रकाश ठाकुर, मनीष, मनोज ठाकुर सहित कई लाेगाें को कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया गया। वहीं, बैठक में कार्यकारिणी के सदस्यों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी गई व उनका सही से निर्वाहन करने की अपील की गई। बैठक में अध्यक्ष हेमराज ठाकुर ने सभी सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि अर्की क्षेत्र के साथ-साथ सभी से आग्रह है कि इस संस्था में ज्यादा से ज्यादा संख्या में जुड़कर सामाजिक कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। इस मौके पर वरिष्ठ सलाहकार महेंद्र, विक्की ठाकुर, हितेश, अक्की, प्रकाश, मनोज, सोनू, मनीष चंदेल, मनोज, चमन, मनोज, देवेंद्र, प्रेम कुमार, तरुण, लग्नेश, गोपाल ठाकुर व अनिल सहित अन्य मौजूद रहे।
विनायक ठाकुर । डाडासीबा राजकीय आईटीआई डाडासीबा में बुधवार को खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुभाष ठाकुर के आदेश अनुसार अंतरराष्ट्रीय मौखिक स्वास्थ्य दिवस मनाया गया, जिसमें दंत चिकित्सक डॉ. नवतेज सिंह द्वारा आईटीआई के विद्यार्थियों को मुख की बीमारियों और नियमित मुंख की सफाई के बारे में बताया गया। इसके उपरांत आईटीआई के विद्यार्थियों को फल बांटे गए तथा आईटीआई के प्राचार्य कुलदीप सिंह ठाकुर ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार जताया। इस अवसर पर डेंटल हाइजीनिस्ट राजदीप पठानिया और स्वास्थ्य कार्यकर्ता नरेश कुमार उपस्थित रहे।
राजेश कतनौरिया । जवाली राजकीय वरिष्ठ माधयमिक पाठशाला भरमाड़ में आज एनएसएस स्वयंसेवियों द्बारा शहीदी दिवस पर सकूल के प्रधानाचार्य प्यार चंद की अधयक्षता में मनाया गया। प्रधानाचार्य ने बच्चों को उन वीरों के प्रति जागरूक किया, जिन्होंने 23 मार्च,1931 को अपने देश के प्रति बलिदान दिया था। प्रधानाचार्य ने बच्चों को सरदार भगत सिंह, राज गुरु और सुखदेव सिंह के बारे में बिस्तार पूर्वक जानकारी दी। बच्चों ने इस अवसर पर नारा लेखन चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विनायक ठाकुर। देहरा राजकीय पाठशाला नौशहरा में सामुदायिक लामबंदी व एसएमसी ट्रेनिंग एवम सामान्य जागरूकता शिविर का आयोजन एसएमसी प्रधान सुलक्षणा देवी की अध्यक्षता में किया गया। इस कार्यक्रम में एसएमसी के सभी सदस्यों, छात्रों के अभिभावकों पंचायत सदस्यों व स्थानीय ग्रामीण सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के शुभारंभ पर पाठशाला के मुख्य अध्यापक बलबीर सिंह ने आमंत्रित सभी सदस्यों का स्वागत किया व कार्यक्रम की रूपरेखा का विवरण दिया। कार्यक्रम को दो सत्रों में विभाजित किया गया। प्रथम सत्र में सामुदायिक लामबंदी व एसएमसी ट्रेनिंग से जुड़े विषय लिए गए, जिसके अंतर्गत न्यू एडुकेशन पॉलिसी-2020 के बारे में विस्तृत चर्चा की गई व एसएमसी सदस्यों को उनके अधिकारों को स्कूल के प्रति उनके कर्तव्य पर चर्चा की गई, उसके उपरांत कोविड-19 के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रत्येक सदस्य के विचारों को सुना गया व जरूरी सुझावों को नोट किया गया है। पंचायत प्रधान अवतार राणा ने पाठशाला के सौंदर्यीकरण के लिए बच्चों के खेलने के लिए झूलों की व्यवस्था करने की घोषणा की। साथ ही सभी सदस्यों ने भी स्कूल द्वारा किए जा रहे हैं। विकासात्मक कार्यों की प्रशंसा करने के साथ अपना सहयोग देने की बात भी कही।
रंजीत सिंह। कुनिहार भारतीय राज्य पेंशनर्ज महासंघ ज़िला सोलन की विशेष बैठक कुनिहार में ज़िला अध्यक्ष बाबु राम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई।बैठक के मुख्यातिथि पथ परिवहन सेवानिवृत कल्याण मंच के प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष बृज लाल ठाकुर थे, तो वहीं, राज्य पेंशनर्ज महा संघ के प्रदेश महामंत्री इंद्र पाल शर्मा विशेष रुप से उपस्थित रहे। बैठक में ज़िला के विभिन स्थानों से आए हुए सैकडों सदस्यों ने भाग लिया। जिला संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यातिथि सहित अन्य पूर्व वरिष्ठ नेताओं को पटके पहनाकर सम्मानित किया, जिसमें 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर्ज को भी स्मानित किया गया। जिला अध्यक्ष ने आए हुए सभी सदस्याें का स्वागत किया। प्रदेश महामंत्री इंद्र पाल शर्मा ने संघ द्वारा पेंशनरों की प्रमुख मांगों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा गत 7 जनवरी को हमीरपुर में हुए राज्य स्तरीय सम्मेलन में प्रदेश के विभिन संघों की बनी संयुक्त समन्वय समिति के बारे में बताया। बैठक को विभिन वक्ताओं ने संबाेधित करते हुए सभी को एक मंच पर आने का आह्वान किया। मुख्यातिथी व विशेष अतिथि बृजलाल ठाकुर व गोपाल दास वर्मा ने भारतीय राज्य पेंशनर्ज संघ के द्वारा प्रदेश के अन्य समांतर संगठनों को एक मंच पर लाने के किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा की पेंशनरों की प्रमुख मांगों को पूरा करवाने के लिए सयुक्त मंच का होना आवश्यक है। प्रस्ताव पारित कर सरकार के द्वारा पेंशनरों को नए वेतनमान जारी करने के लिए सरकार का धन्यवाद किया गया तथा सरकार से पिछले 10 वर्षों से पेंशनरों की चली आ रही प्रमुख मांगों को 65, 70 व 75 वर्ष पर मिलने वाली राशि को मुल पेंशन में दिए जाने, कर्मचारी कल्याण बोर्ड का गठन किए जाने, राज्य स्तर पर जेसीसी का गठन करने, पथ परिवहन के सेवा निवृत कर्मियो की मासिक पेंशन का स्थाई समाधान करने व उनके देय भत्ताें का भुगतान किए जाने की मांग की गई। सरकार से वेतनमान के बकाया राशि की किस्तें जारी करने की भी मांग की गई। बैठक में पथ परिवहन सेवानिवृत कर्मचारियों व अन्य बोर्ड के कर्मचारियों को नए वेतन मान शीघ्र जारी करने की मांग की गईं। कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन लागू करने, अनुबंध व आउटसोर्स नीति को बंद करके उन्हें स्थायी रूप से नियमित किए जाने की मांग की। इस अवसर पर शंकर लाल, हेत राम ठाकुर, मोहन लाल भारद्वाज, दीप राम, धनीराम, चेत राम तंवर, लोकराम भारद्वाज, ईस्वर दास वर्मा, मेहर दीन, श्याम लाल, एनडी शर्मा, जगदीश चंदेल, श्यामा नंद शांडिल, मनी राम, कंचन माला, विद्या देवी, निर्मला देवी, तारा चौधरी, कमलेश तंवर, राम स्वरुप तंवर, आरपी, जोशी, जसवंत सिंह व रघुवीर कंवर सहित विभिन विभागों व बोर्ड, निगमों के सेवानिवृत कर्मचारियों ने भारी संख्या में भाग लिया।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन दाड़लाघाट में कार्यरत शारीरिक शिक्षक अध्यापिका कृष्णा शर्मा को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा बेसहारा जंगली पशुओं की नि:स्वार्थ भाव से सेवा करने के लिए "मनस्वी" के अंतर्गत प्रतिभा सम्मान से नवाजा गया। उन्हें यह पुरस्कार शिमला के गेयटी थिएटर में प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आप जैसी बेटियां प्रदेश में सभी के लिए मिसाल है और हम सभी को आप पर गर्व है। बता दें कि कृष्णा शर्मा, सीआर शर्मा की पुत्री है, वह मूलतः अर्की तहसील के साथ सटे गांव गाहर की रहने वाली है और डीएवी अंबुजा दाड़लाघाट में पिछले 15 वर्षों से शारीरिक शिक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे रही है। कृष्णा शर्मा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता से प्राप्त संस्कारों परिवार के सदस्य तथा प्राप्त शिक्षा को दिया है।
अनूप पाेवॉरी। सुजानपुर पौष्टिक आहार स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण आधारशिला है। अतः यह महत्वपूर्ण हो जाता है कि शरीर की जरूरतों को पूरा करने के लिए भोजन में आवश्यक पोषक तत्वों के सम्मिश्रण का हमें पूर्व ज्ञान हो और हम अपने परिवेश से अपने समृद्ध परंपरागत ज्ञान के माध्यम से उनकी आपूर्ति विना ज्यादा खर्च के संभव कर सकें। उक्त बात बाल विकास परियोजना अधिकारी सुजानपुर कुलदीप सिंह चौहान ने पोषण पखवाड़े के अंतर्गत ग्राम पंचायत जोल लंबरी के जोल लंबरी तथा ग्राम पंचायत दाडला के अंतर्गत मिहाडपुर में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री के उपयोग से तैयार पौष्टिक आहारों की प्रदर्शनी में प्रतिभागियों और जनसाधारण को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा की पोषक तत्वों के असंतुलन से होने वाले दुष्प्रभाव को प्रभावी ढंग से संबोधित कर समुदाय को अच्छे स्वास्थ्य और इष्टतम पोषण के दूरगामी लाभों के बारे में जागरूक करना स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण हेतु अति आवश्यक कदम है। पोषण असंतुलन के परिणामस्वरूप शारीरिक और संज्ञात्मक विकास अवरुद्ध हो जाता है और और रुग्णता व मृत्यु दर में वृद्धि के साथ-साथ मानव क्षमता का बहुपक्षीय नुकसान होने की संभावना बढ़ जाती है। मानव जीवनशैली में आए बदलाव ने गैर संचारी रोगों के पैटर्न को और भी जटिल बना दिया है। अतः यह आवश्यक हो जाता है कि पोषण और स्वास्थ्य शिक्षा के माध्यम से संतुलित आहार, उचित स्वास्थ्य, स्वच्छता, आहार विविधता, सूक्ष्म तत्व पूरकता, बायोफोर्टिफिकेशन इत्यादि पोषण संवर्धन हस्तक्षेपों के द्वारा सामुदायिक स्तर पर रोग निवारक दृष्टिकोण को उपचारात्मक दृष्टिकोण में बदलने का ईमानदार प्रयत्न किया जाए। नियमित शारीरिक गतिविधियों, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य संसाधनों के इष्टतम प्रयोग, स्वास्थ्य उन्मुखी भोजन, पर्याप्त नींद तथा समुचित स्वास्थ्य संवर्धन दृष्टिकोण की वकालत कर तथा लोक व्यवहार की दिशा इस ओर मोड़कर स्वस्थ राष्ट्र की लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत जोल लंबरी के उप प्रधान संजीव कुमार, वार्ड सदस्य सुरजीत सिंह, ग्राम पंचायत दाडला के उप प्रधान जगन कटोच, पंचायत सदस्य सुदर्शना एवं पंचायत सदस्य सरिता रूप से उपस्थित रहीं।
उद्यांश सूद। लडभड़ोल राजकीय महाविद्यालय लड भड़ोल में आज शहीदी दिवस के मौके पर शहीद भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु सहित सभी क्रांतिकारी शहीदों को याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को समर्पित द्वीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मुनीष ठाकुर ने कहा कि हमें शहीदों के त्याग, बलिदान और कुर्बानियों को सदैव याद रखना चाहिए तथा उनसे प्रेरणा लेकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लंबे जीवन से ज्यादा सार्थक जीवन अधिक महत्वपूर्ण है। इस मौके पर कार्यक्रम के संयोजक प्रो. संजीव कुमार ने युवाओं से शहीदों के बारे में जानने उनसे प्रेरणा लेने तथा समाज व देश के लिए उपयोगी जीवन जीने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इतनी छोटी उम्र में यह असाधारण बलिदान पूरे भारत व विश्व के युवाओं को वर्तमान व भविष्य में प्रेरित करता रहेगा। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने द्वारा शहीदों को याद करते हुए अपनी प्रस्तुतियां भी दी। इस अवसर पर महाविद्यालय में शहीद भगत सिंह के जीवन पर आधारित एक प्रेरणादायक फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इस मौके पर महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मुनीष ठाकुर ने कार्यक्रम के आयोजकों सहित उपस्थित समस्त विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी।
युवाओं ने पुष्प अर्पित कर व खेल मुकाबले में भाग लेकर किया अमर शहीदों को नमन मीनाक्षी साेनी। हमीरपुर महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य पर सामाजिक संस्था यस हिमाचल की ओर से हमीरपुर शहीद टिहरा मे पुष्पांजलि कार्यक्रम व खेल मुकाबला आयोजित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह सुखदेव, राजगुरु के चित्र पर दीप जलाकर पुष्प अर्पित कर भारत मां के अमर सपूतों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही युवाओं के लिए क्रिकेट खेल मुकाबले का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर पूर्व में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व वर्तमान में प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी नरेंद्र अत्री विशेष तौर पर मौजूद रहे। नरेंद्र अत्री ने दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया व उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्र हमेशा इन अमर सपूतों का ऋणी रहेगा, जिन्होंने युवा अवस्था में राष्ट्र की आजादी के लिए देश को जागरूक करने के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया। अत्री ने कहा आज युवाओं को आवश्यकता है शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव राजगुरु सहित तमाम उन अमर शहीदों की भावनाओं को महसूस करने की जिन अमर शहीदों ने देश की आजादी के लिए, देश की एकता अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्याेछावर किया है। जब हम इन अमर शहीदों के जज्बे को, भावनाओं को महसूस करेंगे, तो निश्चित तौर पर हम राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए "भारत प्रथम" की भावना को आत्मसात करते हुए जीवन में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने आज युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करने की आवश्यकता पर बल दिया। नरेंद्र अत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें यही शहीदों को सच्ची श्रदांजलि है। इस मौके पर नरेश राणा, सुरेंद्र पठानिया, साहिल कुमार, हेमराज ठाकुर, कमलेश वर्मा, सेवानिवृत्त श्रेष्ठ कर्मचारी अवॉर्डी राजेंद्र सिंह, विजय कुमार, पृथी चंद, मेहर सिंह, पूर्व सैनिक लेखराज, संजय, भाग सिंह पठानिया, रितिक पठानिया सहित अन्य गणमान्य ने भी अमर शहीदों को पुष्प अर्पित कर, दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
रंजीत सिंह । कुनिहार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मनलोग कलां में विश्व जल दिवस मनाया गया। इस उपलक्ष्य पर विद्यालय में इस वर्ष के थीम "भूमिगत जल अदृश्य से दृश्य बनाना" जल संरक्षण के ऊपर विद्यार्थियों ने चित्रकला, नारा लेखन व रैली के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया तथा विद्यालय के नजदीक एक पुरानी बावड़ी को विद्यार्थियों व अध्यापकों ने साफ कर जल स्त्रोत को संरक्षित किया। चित्रकला प्रतियोगिता में मनोज आठवीं कक्षा व नारा लेखन में प्रियंका सातवी कक्षा ने बाजी मारी। इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्य निर्मल रानी, अध्यापक वर्ग में सुनिल कुमार, वीरेंद्र सिंह, मोहनलाल, मुकेश, गुरदास, नर्वदा शर्मा, मंजीत कौर, उमा देवी व अनुपमा आदि मौजूद रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला पर्यटन और हिमाचल एक-दूसरे के पर्यायवाची हैं। हिमाचल प्रदेश पर्यटन के लिए एक खूबसूरत हिल स्टेशन के रूप में जाना जाता है। हम सभी जानते हैं कि कोविड -19 ने कई उद्योगों, व्यापार और मानव जीवन को विकृत कर दिया है। विकास धीमान ने प्रेस को बताया कि आम आदमी पार्टी हिमाचल में पर्यटन क्षेत्र के महत्व को जानती है और पार्टी ने हिमाचल में पर्यटन के लिए एक विशेष विंग बनाया है। हमें यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि इस विंग को सिर्फ हमारी पार्टी ने बनाया है। आज 23 मार्च के इस सम्मानित दिन पर हमारी पार्टी 12 जिलों के 12 जिला अधिकारियों को ज्ञापन दे रही है। इस दिन हमारी पंजाब सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया है। पर्यटन और परिवहन क्षेत्र के लिए मदद मांगने को ज्ञापन दिया गया है। हमारे लोग जो पर्यटन गतिविधियों में लगे हुए हैं, उन्हें कोविड-19 के दौरान और कोविड-19 के बाद कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। हमारे कई होटल व्यवसायी अब एनपीए हैं, यह 2 वर्ष के लॉकडाउन और भय की स्थिति के कारण है। हिमाचल प्रदेश में कई होटलों में बैंकों ने ताला लगा दिया है। इससे और अधिक बेरोज़गारी हुई है। एक एकल होटल कम से कम 20 परिवारों को प्रत्यक्ष रोजगार और कई लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार प्रदान करता है। कई ऐसे लोग हैं, जो टैक्सियों से आजीविका कमा रहे हैं, लेकिन ईएमआई का भुगतान न करने के कारण उन्हें अपनी टैक्सियां बेचनी पड़ती हैं। कई टैक्सी ऑपरेटरों को कर की समस्या का सामना करना पड़ रहा है और कोई राहत नहीं है। विकास धीमान ने कहा कि आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 में आपदा की स्थिति में राहत प्रदान करने का प्रावधान है और अधिनियम में धारा 12 के तहत प्रावधान हैं, लेकिन यह सरकार पर्यटन गतिविधियों में लगे लोगों को कोई राहत देने में दिलचस्पी नहीं ले रही है। विकास धीमान ने कहा कि राज्य के सकल घरेलू उत्पाद में पर्यटन का योगदान लगभग 10 प्रतिशत है, जबकि राज्य के रोजगार में 15 प्रतिशत से अधिक योगदान, इन सुविधाओं के बावजूद सरकार इस क्षेत्र की अनदेखी कर रही है, जो कि बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। आम आदमी पार्टी के हमारे स्वयंसेवक 12 जिलों के 12 जिला अधिकारियों को ज्ञापन दे रहे हैं, ताकि पर्यटन से जुड़े लोगों को थोड़ी छूट मिल सके। हमें उम्मीद है कि सरकार इस मामले पर गंभीरता से विचार करेगी और पर्यटन क्षेत्र को राहत देगी। दिशांत कपिल समन्वयक राज्य पर्यटन विंग, अनूप पटियाल प्रदेश अध्यक्ष आम आदमी पार्टी, आरएस वर्मा सचिव पर्यटन विंग, मुनीश शर्मा अध्यक्ष कांगड़ा जिला पर्यटन विंग, राजीव अंबिया अध्यक्ष सदस्यता अभियान, वरियम जामवाल सचिव जिला कांगड़ा पर्यटन विंग और विशाल सिंह सोशल मीडिया उपाध्यक्ष राज्य, चेतन चंबियाल और राकेश चौधरी मौजूद थे।
शहीदी दिवस पर भगत सिंह, राजगुरू एवं सुखदेव को दी भावभीनी श्रद्धांजलि फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज सोलन जिला के नालागढ़ में शहीदी दिवस के अवसर पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों की ओर से भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नालागढ़ हेरिटेज पार्क में नालागढ़ हेरिटेज सोसायटी द्वारा जनसहयोग से निर्मित शहीद स्मारक का लोकार्पण भी किया। नालागढ़ में जन सहभागिता से निर्मित इस हेरिटेज पार्क के निर्माण पर लगभग 10 करोड़ रुपये व्यय हुए हैं। उन्होंने इस अवसर पर नालागढ़ उपमंडल के 08 शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि देश उन वीर सेनानियों का सदैव ऋणी रहेगा, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व त्याग कर दिया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव की शहादत ने जन-जन के मन में क्रान्ति और साहस की ऐसी अलख जगाई कि आज देश की स्वतंत्रता के उपरांत भी यह विभूतियां युवाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि आज इन तीन क्रान्तिकारियों की स्मृति में हम शहीदी दिवस मना रहे हैं। उन्होंने जन-जन का आह्वान किया कि इन महान क्रान्तिकारियों के आदर्शों को जीवन में उतारें। यही सभी क्रान्तिकारियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।जयराम ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में हिमाचल के वीरों का भी अविस्मरणीय योगदान रहा है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि शहीदों के जीवन से प्रेरणा लें और कर्तव्य निष्ठा के मार्ग का सदैव अनुसरण करें। मुख्यमंत्री ने तदोपरांत हेरिटेज पार्क का निरीक्षण किया और इसके रखरखाव के संबंध में उचित दिशा-निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने अवसर पर वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद रामसरण के, वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद प्रदीप सिंह के, वर्ष 2002 के ऑपरेशन पराक्रम में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद जसविंद्र सिंह के वर्ष 2003 के ऑपरेशन पराक्रम में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद सुरेंद्र सिंह तथा शहीद रामरत्न के वर्ष 2019 के ऑपरेशन पराक्रम में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद शिव सिंह तथा शहीद गुरमेल सिंह एवं वर्ष 1976 के ऑपरेशन पराक्रम में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद रघुबीर सिंह के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने हेरिटेज पार्क के निर्माण में योगदान के लिए एलीन एप्लाइन्सिस के संयंत्र प्रमुख जेएस कांग तथा टोरेंट फार्मा बद्दी के संयंत्र प्रमुख सोमेन मेहती को भी सम्मानित किया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल, दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, नालागढ़ के विधायक लखविंद्र राणा, नालागढ़ के पूर्व विधायक केएल ठाकुर, जोगिद्र केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष योगेश भारतीय, प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैणी, प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, लघु उद्योग भारती के प्रदेशाध्यक्ष हरबंस पटियाल, जिला भाजपा सोलन के अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, भाजपा मंडल नालागढ़ के अध्यक्ष बलदेव ठाकुर, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. ऋचा वर्मा, उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी, पुलिस अधीक्षक बद्दी मोहित चावला, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं शहीदों के परिजन इस अवसर पर उपस्थित थे।
मनीष ठाकुर । इंदाैरा जिला कांगड़ा के विकास खंड इंदौरा के घंडरां में चल रहे क्रेट वाल निर्माण कार्य में उपयोग किए जा रहे पत्थर की सप्लाई ग्राम पंचायत घंडरा के वैंडर द्वारा की जा रही है, जब इस बारे में ग्राम पंचायत घंटा के प्रधान जुगल किशोर से पूछताछ की गई, तो उन्होंने बताया कि हमें यह बॉल्डर हमारे वैंडर द्वारा प्रदान किया जा रहा है और वह वाल्डर काजीएसटी बिल भी दे रहा है। हमें यह नहीं पता कि वह कहां से या पत्थर ला रहा है, वह इसके रॉयल्टी का भुगतान कर रहा है या नहीं कर रहा है। जब इस बारे में जिला अधिकारी से बात हुई, तो उन्होंने कहा कि पंचायतों में ऐसी कोई भी विशेष छूट नहीं है कि कोई भी मैटेरियल सप्लाई कर सके अनिवार्य है। आपके माध्यम से आया है और इसके लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए जाएंगे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला रूस यूक्रेन युद्ध के कारण बिगड़े हालात के कारण क्रूड आयल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इस बढ़ोतरी के कारण देशभर में भी पेट्राेल और डीजल के दाम बढ़ने लगे हैं। हिमाचल प्रदेश में भी यह बढ़ोतरी हुई है। देश में लगातार दूसरे दिन भी पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को भी पेट्रोल के दाम 80 पैसे प्रति लीटर बढ़े हैं। धर्मशाला की बात करें तो आज से पेट्रोल का भाव 96.45 रुपये प्रति लीटर रहेगा। इसके अलावा स्पीड पेट्रोल 98.99 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। धर्मशाला के इंडेन पेट्रोल पंप पर पेट्रोल 79 पैसे व डीजल के दाम 72 पैसे बढ़ गए हैं, जबकि पिछले कल ही 80 और 70 पैसे पेट्रोल व डीजल का भाव बढ़ा था। ऐसे में आज अब पेट्रोल सामान्य 96.45 रुपए व स्पीड पेट्रोल 98.99 रुपए तथा डीजल 81.10 रुपए मिल रहा है।, जबकि पिछले कल पेट्रोल 70 व डीजल में 78 पैसे बढ़े थे और पिछले कल पेट्रोल सामान्य 95.66 रुपये व स्पीड पेट्रोल 98.20 रुपए तथा डीजल 80.38 रुपए मिल रहा था। अब 79 पैसे प्रति लीटर दाम और बढ़ गए हैं। मंगलवार को देश में 137 दिनों के बाद पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़े थे। हिमाचल प्रदेश में 79 पैसे की बढ़ोतरी हुई थी। डीजल के रेट की बात करें तो इसमें भी 70 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई। पेट्रोलियम पदार्थों के दाम में 24 घंटे बाद इस तरह बढ़ोतरी की जा रही है, ताकि सबको यही लगे कि पेट्रोल व डीजल पैसों में बढ़ा है, जबकि पैसों में नहीं दो बार बढ़ने से पेट्रोल 1.57 रुपए और डीजल 1.42 रुपए महंगा हो गया। ऐसे में यह वृद्धि सिर्फ और सिर्फ 24 घंटे के दौरान ही हुई है। अभी भी आशंका जताई जा रही है कि पेट्रोल व डीजल की कीमतों में अभी और उछाल आएगा, जिससे महंगाई बढ़ने की आशंका बन गई है। महंगाई की मार पहले से ही लोग झेल रहे हैं। ऐसे में अब खाद्य पदार्थ व दालों व अन्य सामान की कीमतों में भी उछाल आना स्वाभाविक है। जिससे आम आदमी का बजट पूरी तरह से बिगड़ने वाला है। हालांकि यह कीमतें दीपावली के बाद पहली बार बढ़ी हैं।
तो भाई को हटाकर भाई चुनावी मैदान में उतरने को तैयार है। सोलन निर्वाचन क्षेत्र की सियासत का ताजा हाल ये ही है। 2017 के विधानसभा चुनाव में यहाँ ससुर दामाद आमने -सामने थे। वहीं 2022 में भाजपा टिकट के लिए दो भाइयों में मुकाबला देखने को मिल सकता है। पिछला चुनाव लड़ चुके डॉ राजेश कश्यप जहां चुनाव के लिए तैयार दिख रहे है, वहीं उनके बड़े भाई और दो बार सांसद रहे वीरेंद्र कश्यप भी चुनाव लड़ने से इंकार नहीं कर रहे। फर्स्ट वर्डिक्ट के साथ विशेष बातचीत में वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि उनकी निजी इच्छा नहीं है किन्तु यदि पार्टी कहती है तो वे तैयार है। विदित रहे कि वीरेंद्र कश्यप के विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर काफी वक्त से कयास लग रहे है। दरअसल भाजपा का ही एक गुट डॉ राजेश कश्यप को पसंद नहीं करता। ऐसे में माहिर मानते है कि विरोधी वीरेंद्र कश्यप की एंट्री की बिसात पर डॉ राजेश कश्यप का पत्ता काटने से गुरेज नहीं करेंगे। हालांकि इसमें कोई संशय नहीं है कि फिलहाल तो भाजपा में डॉ राजेश कश्यप का ही सिक्का चल रहा है। पर पल -पल बदलती राजनीति में कुछ भी मुमकिन है। वहीं हाल फिलहाल ही वीरेंदर कश्यप को भाजपा ने एक झटका भी दिया है। दरससल राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए भाजपा ने डॉ सिकंदर कुमार को प्रत्याशी घोषित कर दिया है और इस घोषणा ने कई नेताओं के अरमानों पर पानी फेर दिया है। इनमे से एक नाम है प्रो वीरेंद्र कश्यप का भी है । प्रो वीरेंद्र कश्यप ने भी टिकट माँगा था लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। वीरेंद्र कश्यप वर्ष 2009 और 2014 में शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद रहे है लेकिन पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं दिया। इसके बाद कयास लग रहे थे कि वीरेंद्र कश्यप को प्रदेश की सियासत में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। 2019 में प्रदेश अध्यक्ष के पड़ के लिए भी उनका नाम चर्चा में रहा लेकिन तब कश्यप रेस में डॉ राजीव बिंदल से पिछड़ गए। इसके बाद वर्ष 2020 में जब स्वास्थय घोटाले के बाद डॉ राजीव बिंदल ने इस्तीफा दिया तब फिर प्रो वीरेंद्र कश्यप क नाम अध्यक्ष पड़ के लिए उछला लेकिन ताजपोशी हुई सुरेश कश्यप की। अब राज्यसभा के लिए भी पार्टी ने वीरेंद्र कश्यप को तवज्जो नहीं दी है। अब पार्टी विधानसभा में किस भाई को चुनती है और किसे नहीं ये देखना दिलचस्ब होगा।
किन्नौर।फर्स्ट वर्डिक्ट किला निर्माण एवं किन्नौर के विकासात्मक कार्यो से सम्बंधित चर्चा के लिए पूर्व विधायक तेजवंत सिंह नेगी, किन्नौर भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्त्ता प्रह्लाद सिंह, सुनील, सापनी गांव के उप प्रधान प्यार चंद और सापनी ऐतिहासिक किला निर्माण कमेटी के सदस्यों ने भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर से भेंट की। अनुराग ठाकुर ने किला निर्माण कमेटी से वृस्तृत चर्चा की व किला निर्माण हेतु पूर्तत: सहयोग के लिए हामी भी भरी। साथ ही पूर्व विधायक तेजवंत सिंह नेगी ने किन्नौर के विकासात्मक कार्यों पर सार्थक चर्चा भी की।
- कौन - कौन आप में आएगा, 6 तारीख को पता चल जायेगा ! - आप में कई बड़े नेताओं के आने के कयास आप की एंट्री ने हिमाचल की ठंडी लग रही सियासत को ताप दे दिया है। पंजाब में मिली प्रचंड जीत के बाद अमूमन रोजाना हिमाचल से कई नेताओं के आप में जाने की खबरें आ रही है, विशेषकर कांग्रेस से। हालांकि इनमें पहली पंक्ति के नेता नहीं है, लेकिन दूसरी व तीसरी पंक्ति के कई नेता आप में शामिल हो चुके है। इस बीच 6 अप्रैल को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय आयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मंडी में रोड शो करेंगे। माना जा रहा है कि इसी दौरान खाली पड़ी पहली पंक्ति भी कुछ हद तक भर दी जाएगी। कई नेताओं के आम आदमी पार्टी ज्वाइन करने के कयास लग रहे है जिनमें कांग्रेस और भाजपा दोनों के नेता शामिल है। कई विधायक, पूर्व विधायक और पूर्व सांसद भी आप के कांटेक्ट में बताये जा रहे है। यदि ऐसा होता है तो संभवतः 1998 के बाद पहली बार हिमाचल में कोई तीसरी पार्टी दमदार उपस्तिथि दर्ज करवाती दिख सकती है। अरविन्द केजरीवाल और भगवंत मान के रोड शो के लिए आप ने मंडी को चुना है। वहीं मंडी जो खुद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गढ़ है। यहाँ जयराम ठाकुर के प्रभाव को इसी आंकड़े से समझा जा सकता है कि मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में भी भाजपा ने जिला के नौ संसदीय क्षेत्रों में से आठ में बढ़त बनाई थी। वीरभद्र सिंह के निधन के बाद सहानुभूति लहर भी यहाँ भाजपा को बढ़त लेने से नहीं रोक पाई। अब इसी मंडी में आप के रोड शो के कई मायने है। बड़ा सवाल ये है कि क्या आप मुख्यमंत्री के घर में ही भाजपा को कोई झटका देने वाली है। ऐसा इसलिए भी है क्यों कि 6 अप्रैल को भाजपा के कई नेताओं के आप में शामिल होने के कयास लग रहे है। बहरहाल इसमें कितनी हकीकत है ये तो 6 तारीख को ही पता चलेगा। पंडितजी के परिवार पर निगाहें : मंडी की सियासत का जिक्र पंडित सुखराम एंड फॅमिली के बगैर अधूरा है। पंडित जी और पोते आश्रय शर्मा फिलहाल कांग्रेस में है और उनके बेटे और मंडी सदर विधायक अनिल शर्मा भाजपा में। पर दोनों ही तरफ इस परिवार को तवज्जो मिलती नहीं दिख रही। ऐसे में सवाल ये है कि क्या आम आदमी पार्टी पंडित जी के परिवार का अगला ठिकाना हो सकता है ? हालांकि खुद अनिल शर्मा इससे इंकार कर रहे है, पर सियात में इंकार कब इकरार में बदला जाए पता नहीं चलता।
विनायक ठाकुर। डाडासीबा डाडासीबा बाजार मे लोगो की सुबिधा हेतू कांगड़ा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक व एसबीआई का एटीएम बिगत कई दिनो से लगातार कैशलैस चला हुआ है। लिहाज़ा क्षेत्र भर के लोगों को यहां आए दिन परेशान होना पड़ रहा है। वहीं, इस गंभीर समस्या की पोल मंगलवार 22 मार्च को उस बक्त खुलकर सामने आई, जब क्षेत्र के एक बुजुर्ग ने बताया मे बीमार हूं और दवाई लेने हेतु यहां एटीएम से पैसे लेनेे आया था, लेकिन एटीएम कैशलेस होने के कारण के काफी परेशान होना पड़ा मसलन उक्त बजुर्ग ने विभाग की इस नाकामी के कारण बिना पैसो से बिना दवाई लिए खाली हाथ घर जाना पड़ा। उधर, एसबीआई का एटीएम भी पिछले कुछ दिनों से कैशलेस चला हुआ है और पीएनबी के एटीएम भी डाडासीबा में है, परंतु वहां भी एटीएम में कुछ खराबी चली हुई है। जिस कारण आज मंगलवार को पीएनबी का एटीएम भी बंद रहा और वहां पर भी लोगों को कैश की सुविधा नहीं मिल पाई, परंतु कांगड़ा सेंट्रल कोपरेटिव बैंक का एटीएम ज्यादातर कैशलेस रहता है। इस कारण लोगों को रोजमर्रा से जुड़ी जरूरी चीजों की खरीद-फरोख्त में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इस प्रकार की दिक्कत पिछले काफी दिनों से है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि एटीएम सेवा के संचालन को सुचारु करें, जिससे उन्हें आवश्यक चीजों की खरीद में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। उधर, इस संबंध में ब्रांच मैनेजर रविंद्र कुमार डाडासीबा से बात की गई, तो उन्होंने बताया शीघ्र ही एटीएम में पैसे डाल दिए जाएंगे, ताकि एटीएम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला विश्वविद्यालय एसएफआई इकाई द्वारा कुछ प्रमुख मांगों को लेकर आज धरना प्रदर्शन किया गया। जिसके अंदर पिछले कई वर्षों से एसएफआई मांग कर रही थी कि समरहिल चौक पर जो एमसी शिमला द्वारा भगत सिंह की मूर्ति लगाने का प्रपोजल पास हुआ था, वह अभी तक नहीं लगाई गई है। इसके साथ-साथ समरहिल चौक का नाम बदलकर भगत सिंह चौक रखा जाना था। अभी तक इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। इस पर बात रखते हुए हरीश ठाकुर ने कहा कि एक तरफ तो हमारी सरकारें भगत सिंह के नाम पर राजनीति करते हुए डोंग करती है, परंतु अभी तक भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव जैसे तमाम शहीद हुए साथियों को शहीदों का दर्जा नहीं दे पाई है और दूसरी तरफ सावरकर जैसे लोगों को वीर सावरकर कहते हुए उन्हें अपना आदर्श मानती है और नाथूराम जैसे आतंकवादियों की मूर्ति बनाते हुए उसकी पूजा करती है। इस विश्वविद्यालय का ठेकाकरण किया गया और ईआरपी सिस्टम को यहां पर लाकर हजारों बच्चों का भविष्य अंधकार में डाला गया है, उसका जिम्मेदार कौन है। इस पर आगे बात रखते हुए उन्होंने कहा कि पिछले शनिवार को कुलपति सिकंदर कुमार ने अपना इस्तीफा दे दिया था, उसके बाद भी वह कुलपति कार्यालय आते हैं और अपने चहेतों को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं और विश्वविद्यालय के अंदर कुछ लोगों की प्रमोशन करने में लगे हुए हैं, जो कि यह दर्शाता है कि किस तरह भाजपा सरकार द्वारा उन्हें इस विश्वविद्यालय के अंदर लाया जाता है, ताकि उनके विचार से संबंध रखने वाले लोगों को इस विश्वविद्यालय के अंदर लाया जाए। जिसके अंदर हम देखते हैं कि पिछले लंबे समय से विश्वविद्यालय का किस तरह कुलपति सिकंदर द्वारा भगवाकरण किया गया। इन सभी मुद्दों पर एसएसआई विश्वविद्यालय इकाई ने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले समय के अंदर छात्रों को लामबंद करते हुए इस विश्वविद्यालय को बचाने और शिक्षा को बचाने की लड़ाई को लड़ते हुए एसएसआई आंदोलन करेगी, ताकि इस विश्वविद्यालयों का निजीकरण होने से रोका जा सके।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला राज्य सरकार प्रदेश में वन्यप्राणियों के संरक्षण के प्रति सचेत हैं, जिसके लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना राष्ट्रीय स्तर पर हुई है। यह बात आज यहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्य वन्यप्राणी बोर्ड की 10वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि संबद्ध विभागों में समन्वय सुनिश्चित कर सभी विकासात्मक परियोजनाओं के निर्माण कार्य में तेजी लाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसी परियोजनाओं की भी योजना बनाई जानी चाहिए, जिन्हें पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि मेगा वाइल्ड लाइफ प्रोजेक्टस तैयार करने का भी प्रयास किया जाना चाहिए, जिन्हें केंद्रीय वित्त पोषण के लिए भेजा किया जा सके। जयराम ठाकुर ने कहा कि वन्य जीवों का संरक्षण महत्त्वपूर्ण है, लेकिन साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि वन्यप्राणी क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न मामलों के विकास कार्य बाधित न हो। उन्होंने अधिकारियों को थुनाग-पजूत-लंबासफर-चिलमगढ़-शिकारीदेवी से प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए समयबद्ध स्वीकृति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने दुर्लभ हिमालयी प्रजातियों के पशु-पक्षियों के संरक्षण के लिए ठोस योजना बनाए जाने पर भी बल दिया।बैठक में मैसर्स प्रीमियर अल्कोबेव प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कांगड़ा जिला के औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरेस में ग्रेन बेसड डिस्टिलरी और सह-उत्पादन बिजली संयंत्र के विस्तार के मामले को राष्ट्रीय वन्यप्राणी बोर्ड को अनुशंसित संस्तुत करने का भी निर्णय लिया गया। बोर्ड ने रकछम-छितकुल वन्यप्राणी अभयारण्य के भीतर भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वारा नगासति में हेलीपैड के निर्माण के लिए 0.0375 हेक्टेयर वन भूमि के डाइवर्जन को स्वीकृति प्रदान की तथा इसे राष्ट्रीय वन्यप्राणी बोर्ड को अनुशंसित करने को स्वीकृति प्रदान की। इस अवसर पर बोर्ड के गैर सरकारी एवं सरकारी सदस्यों ने भी अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। प्रधान मुख्य अरण्यपाल वन्यप्राणी एवं मुख्य वन्यप्राणी संरक्षक राजीव कुमार ने मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने बैठक का संचालन करते हुए पूर्व बैठक की कार्य सूची पर कार्यवाही की रिपोर्ट तथा वन्यप्राणी खंड की विभिन्न गतिविधियों पर प्रस्तुति भी दी। बंजार के विधायक तथा राज्य वन्यप्राणी बोर्ड के सदस्य सुरेंद्र शौरी, अतिरिक्त मुख्य सचिव वन निशा सिंह, प्रधान मुख्य आरण्यपाल (वन बल प्रमुख) अजय श्रीवास्तव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन सोलन में विप्रो अर्थियन सतत जीवन प्रथाओं को प्रोत्साहित करने के लिए एक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन विप्रो फाउंडेशन द्वारा किया गया। इस वर्ष विप्रो अर्थियन प्रतियोगिता के लिए विभिन्न स्कूलों ने अपनी परियोजना रिपोर्ट अर्थ जस्ट को प्रस्तुत की थी। इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय अपशिष्ट, जल और जैव विविधता की स्थिरता था। इस प्रतियोगिता में देश भर के विभिन्न स्कूलों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कुल 1342 आवदेन प्रस्तुत किए गए, जबकि पाइनग्रोव स्कूल शीर्ष 40 प्रतिभागियों में चुना गया है। पाइनग्रोव स्कूल, सुबाथू में पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा दीवान चंदेल ने मुख्याथिति के रूप में शिरकत की। उप जिला शिक्षा अधिकारी संजीव ठाकुर, सोलन जिला विज्ञान अधीक्षक, अमरीश शर्मा और आशीष कुमार के साथ अर्थजस्ट इकोसिस्टम के सदस्य अभिषेक तनेजा सहित कार्यक्रम के अतिथि इस अवसर पर मौजूद थे। मुख्याथिति नें छात्रों को उनके अथक प्रयासों के लिए मंच पर पुरस्कार व प्रमाण पत्र वितरित किए। दीवान चंदेल ने छात्रों को शिक्षा का महत्व और उन्हें अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि छात्र अपने लक्ष्य निर्धारित करें तथा कड़ी मेहनत से ही लक्ष्य प्राप्ति होगी। पाइनग्रोव स्कूल, सुबाथू के हेड टीचर ने उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा विभाग, सोलन उप जिला शिक्षा अधिकारी, जिला विज्ञान अधीक्षक तथा विप्रो अर्थियन के सदस्यों को अपना कीमती समय निकालकर छात्रों का प्रोत्साहन करने के लिए तहदिल से धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर पाइनग्रोव स्कूल, सुबाथू के हेड टीचर देवेंद्र कुमार वर्मा, पंकज शर्मा, दिगंबर भट्ट, विरेंदर चौहान, गौरव, अनीता शर्मा, वर्षा लिहान्तु, त्रिदिब, उदय कटोच, तरविंदर कौर, जतिंदर कुमार, सोनिया कपूर तथा अन्य अध्यापक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विशेष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की हौसला अफजाई की।
विनायक ठाकुर। देहरा हरिपुर व्यपार मंडल ने पुनः अपना अध्यक्ष चुन लिया। दरसल व्यपार मंडल हरिपुर के चुनाव पिछले कुच्छ दिनों से अपेक्षित थे। व्यपार मंडल की बैठक के बाद 22 मार्च नामांकन की आखरी तिथि रखी हुई थी, लेकिन किसी का भी नामांकन पत्र दाखिल न करने की वजह से अतुल महाजन स्वतः पुनः व्यपार मंडल के अध्यक्ष बन गए। गौरतलब है कि अतुल महाजन पिछले तीन वर्षाें से हरिपुर व्यपार मंडल के अध्यक्ष है, उनकी कार्यप्रणाली से हरिपुर के व्यपारी काफी खुश है तथा हमेशा उनके प्रयासों की सराहना करते हैं। अतुल महाजन के पुनः व्यपार मंडल का अध्यक्ष बनने पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य डॉ. सुकृत सागर ने उन्हें बधाई दी है। डॉ. सुकृत ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है अतुल महाजन के नेतृव में हरिपुर व्यपार मंडल सारी समस्याओं का समाधान करते हुए व्यपार की दृष्टि से क्षेत्र को नए मुकाम पर ले जाएगा। मैं उन्हें अपनी और से भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं। भाजपा के मंडल सचिव प्रवीण कुमार पिन्का, ग्राम केंद्र प्रमुख व पूर्व उप प्रधान संदीप शर्मा, सोशल मीडिया के जिला हमीरपुर के प्रभारी अंकुश वशिष्ठ, पूर्व व्यपार मंडल प्रधान देसराज चनोरिया, योगेश रैना, गिरिधर वशिष्ठ, विजेंदर गुलेरिया, नरेंद्र रैना, कमल महाजन, विजय कुमार प्रिन्स भाटिया, राकेश कुमार, मनीष कुमार, डॉ अरविंद, सुरेश धीमान अशोक कुमार, अरुण कुमार व मातेश्वर शर्मा आदि ने अतुल महाजन को बधाई दी।
मनीष ठाकुर। इंदाैरा ग्राम पंचायत छन्नी में व्यक्ति से 4.08 ग्राम चिट्ठा व 4900 रुपए नकदी के साथ एक व्यक्ति काे गिरफ्तार किया गया है। जानकारी देते हुए डीएसपी नूरपुर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि नारकोटिक्स टीम द्वारा गश्त के दौरान ग्राम पंचायत छन्नी में व्यक्ति से 4.08 ग्राम चिट्ठा व 4900 रुपए की नकदी बरामद की है। व्यक्ति की पहचान अजय कुमार पुत्र राजेंद्र पाल ग्राम डाकघर छन्नी तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। व्यक्ति को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
विनायक ठाकुर । देहरा उपमंडल देहरा के अंतर्गत पड़ते असिटेंट रजिस्ट्रार को-ऑपरेटिव सोसाइटी के दफ्तर का अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। आपको बता दें देहरा स्थित इस दफ्तर में मुलाजिम के कमरों में अभी सन 2015 ही चल रहा है। आप जान के चोक जाएंगे। उक्त सरकारी दफ्तर में आज भी 2015 की प्रदेश सरकार वाला कलेंडर मौजूद है, जिसका एक फोटो इंटरनेट मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि असिटेंट रजिस्ट्रार कोपरेटिव सोसायटी देहरा के इस दफ्तर में कर्मचारियों को अभी तक नई प्रदेश सरकार के बारे में पता नहीं चला। उक्त दफ्तर में लगे कैलेंडर से प्रतीत हो रहा है कि 2015 के बाद नई सरकार बनने के उपरांत भी 2022 सन में 2015 ही चल रहा है। लोगों ने इस बात पर कड़ी आपत्ति भी जताई है। जब इस संदर्भ में एआरओ देहरा आरएस बेदी से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि अभी एक माह पहले ही जॉइन किया है और आपके माध्यम से इस बारे में सूचना मिली है, अगर ऐसा पाया जाता है, तो उक्त कलेंडर को निकाल कर नया स्थापित किया जाएगा।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन भाजपा सोलन मंडल के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व प्रदेश प्रवक्ता एवं वरीष्ठ नेता स्व. नरदेव बड़ोला के देहांत के बाद आज भाजपा सोलन मंडल ने एक शोक सभा रेस्ट हाउस सोलन में रखी गई, जिसमें सोलन मंडल, जिला, प्रदेश पदाधिकारी व कार्यसमिति के सदस्य , मोर्चों प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व संयोजक के साथ स्व. नरदेव बडोला के परिवार से पुत्र गौरव बडोला व पुत्रवधु कविता बडोला शामिल हुए सभी ने स्व. बडोला को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। शोक सभा मे अध्यक्ष भाजपा मंडल सोलन मदन ठाकुर, पूर्व सांसद व अध्यक्ष हि. प्र. अनुसूचित जाती आयोग वीरेंद्र कश्यप, भाजपा हिमाचल उपाध्यक्ष व खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया, बघाट बैंक के उपाध्यक्ष व भाजपा मंडल सोलन के महामंत्री सजीव कुमार ने स्व. बडोला को श्रद्धा सुमन अर्पित करके भगवान से उनकी आत्मा की शांति व संतप्त परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की भगवान से कामना की अपने अपने वक्तव्यों में स्व. नरदेव बडोला के बीजेपी लिए योगदान का व्याख्यान करते हुए कहा की बडोला का स्वर्गवास होना पार्टी व उनके परिवार के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है, जिसे पुरा नहीं किया जा सकता। इस दुख की घड़ी मे समस्त बीजेपी परिवार शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है।
ज्वालामुखी। फर्स्ट वर्डिक्ट मंगलवार को ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के युवा कांग्रेस जिला समन्वयक नितिन अंगारिया ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी की नीतियों को देखते हुए और अरविन्द केजरीवाल की अच्छी सोच को देखते हुए उन्होंने आज ये फैसला लिया है। ओबीसी विंग के राज्य अध्यक्ष शेंकी ठुकराल और किसना मोर्चा के उपाध्यक मुल्ख राज चौधरी द्वारा उन्हें आम आदमी पार्टी की सदस्यता दिलवाई गई।


















































