ऊना में पति ने खुद को मारी गोली, सदमे में शख्स की पत्नी ने भी तोड़ा दम

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पति-पत्नी दोनों ने एक साथ दुनिया को अलविदा कह दिया। डोहगी पंचायत के सुरेंद्र कुमार ने बुधवार-गुरुवार को रात अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इस दुखद घटना के बाद, उनकी पत्नी ने भी कल रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, महिला लंबे समय से किसी मानसिक परेशानी से जूझ रही थीं। सुरेंद्र कुमार ही उनकी देखभाल करते थे और उनकी हर जरूरत का ख्याल रखते थे। पति-पत्नी के बीच गहरा लगाव था और सुरेंद्र अपनी पत्नी को लेकर काफी चिंतित रहते थे।
गुरुवार को जब सुरेंद्र कुमार का शव घर के आंगन में लाया गया, तो महिला अपने पति के शव को देखकर बेसुध होकर गिर पड़ीं। उनकी हालत इतनी नाजुक हो गई थी कि परिजनों को तुरंत उन्हें बंगाणा अस्पताल ले जाना पड़ा। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया। शुक्रवार शाम तक उनकी सेहत में थोड़ा सुधार बताया जा रहा था, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने से इलाज के दौरान ही महिला ने दम तोड़ दिया। इस तरह, पति की आत्महत्या के सदमे को महिला बर्दाश्त नहीं कर पाईं और उन्होंने भी अपने प्राण त्याग दिए।
इस घटना से सुरेंद्र कुमार की 90 वर्षीय बुजुर्ग मां रमी देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति को खोए हुए उन्हें लंबा अरसा हो गया था और अब दो दिनों के भीतर उन्होंने अपने बेटे और बहू दोनों को खो दिया। वही
सुरेंद्र कुमार और उनकी पत्नी रेशमा देवी अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। इनमें से एक बेटा अभी अविवाहित है, जबकि अन्य सभी शादीशुदा हैं। इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है और इलाके में शोक का माहौल है। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों के लिए यह दोहरी क्षति असहनीय है।