जयसिंहपुर विधानसभा के अप्पर लंबागांव में आज नमो नवमतदाता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य रूप से पूर्व विधायक रविंदर रवि धीमान, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र राणा उपस्थिति रहे। युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवा कटोच के साथ पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व नये युवा मतदाता उपस्थित रहे। पूर्व विधायक रविंद्र ने कहा कि मुझे विश्वास है कि समस्त नवमतदाता आगामी चुनावों में बढ़चढ़ कर मतदान करके लोकतंत्र की मजबूती हेतु अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। नये युवा मतदाता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या को वर्चुअल माध्यम से सुना। इस अभियान के तहत युवाओ को उनके मताधिकार और उनके वोट की ताकत के बारे में बताया गया। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री ने संकल्प पत्र 2024 के लिए सुझाब भी देने का आहवान किया। इस अवसर पूर्व विधायक रविंद्र धीमान मंडल अध्य्क्ष देवेंद्र राणा बी डी सी चेयर मैन कुलवंत राणा के युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवा कटोच हरि दास के साथ अन्य पार्टी के सदस्य भी मौजूद रहे।
धर्मशाला वन वृत्त के अंतर्गत जिन अभ्यर्थियों ने वन मित्र के लिए आवेदन किया है, उनका शारीरिक दक्षता परीक्षण 29 जनवरी को पालमपुर वन मंडल, 30 जनवरी को धर्मशाला वन मंडल, 31 जनवरी को नूरपुर वन मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी वन परिक्षेत्रों में अलग अलग स्थान पर शारीरिक दक्षता परीक्षण होगा। शारीरिक दक्षता परीक्षण हेतु स्थान की अधिसूचना वन मंडल अधिकारी अपने अपने स्तर पर अलग से प्रकाशित करेंगे। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने संबंधित वन परिक्षेत्र अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। यह जानकारी मुख्य अरण्यपाल वन वृत धर्मशाला विक्रम इलावर्सन ने दी।
जयसिंहपुर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन एसडीएम संजीव ठाकुर अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उप मंडल जयसिंहपुर के लोगों को पूर्ण राज्यत्व दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 25 जनवरी का यह दिन प्रदेश के लिए बेहद गौरवमयी दिन है। एक ओर जहां 25 जनवरी, 1971 के दिन प्रदेश को पूर्ण राज्यत का दर्जा हासिल हुआ है, वहीं दूसरी ओर मजबूत लोकतंत्र की पहचान राष्ट्रीय मतदाता दिवस भी मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में इस दिवस को मतदाता दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है व शत-प्रतिशत मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस अवसर तहसीलदार अभिषेक भास्कर, निर्वाचन कानूनगो जयसिंहपुर राकेश, मतदाता बच्चे व अध्यापक भी उपस्थित रहे।
संघोल पंचायत के पूर्व प्रधान व जयसिंहपुर ब्लॉक कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष स्वर्गीय रसीला राम के निधन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री चंद्रेश कुमारी ने शोक व्यक्त किया। चंदेश कुमारी ने रसीला राम के घर जाकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। चंद्रेश कुमारी ने कहा कि रसीला राम का निधन कांग्रेस पार्टी के साथ उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। उनके कार्यों को भूलाया नहीं जा सकता। पूर्व केंद्रीय मंत्री के साथ जिला परिषद सदस्य संजय राणा, सुनील राणा भी मौजूद रहे।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के जिला कांगड़ा के बलाहर गांव में स्थित वेदव्यास परिसर के पूर्व निदेशक प्रोफेसर लक्ष्मी निवास पांडे बिहार के दरभंगा स्थित संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति नियुक्त हुए हैं। वेदव्यास परिसर के मीडिया को-ऑर्डिनेटर अमित वालिया ने बताया कि वर्ष 2013 से वर्ष 2022 तक वेदव्यास परिसर में प्राचार्य एवं निदेशक के पद पर कार्य कर चुके प्रोफेसर लक्ष्मी निवास पांडे बिहार के दरभंगा स्थित के. एस. डी. संस्कृत विश्वविद्यालय में वाईस चांसलर (कुलपति) के पद पर नियुक्त हुए हैं। वेदव्यास परिसर बलाहर की निदेशक प्रोफेसर सत्यम कुमारी सहित समस्त स्टाफ ने प्रोफेसर लक्ष्मीनिवास पांडे की नियुक्ति पर खुशी जाहिर की है व उन्हें शुभकामनाएं प्रदान की हैं।
** पहले चरण में 12 ने स्वर्ण, 24 ने रजत और 16 ने कांस्य पदक किए हासिल गरली के निकटवर्ती स्थित लोटस इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल में आज का दिन बड़े हर्ष और उल्लास भरा रहा। गत दिन पूर्व स्कूल में अंग्रेजी और गणित विषय की ओलंपियाड परीक्षा हुई थी, जिसमें लगभग 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। 300 में से 88 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में अपना पहला चरण पार कर दूसरे चरण की परीक्षा के लिए प्रेवश कर लिया है। लोटस स्कूल के 88 विद्यार्थियों में से 12 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक 24 को रजत पदक और 16 ने कांस्य पदक प्राप्त किया। सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और मेडल प्रार्थना सभा में वितरित किए गए। स्कूल का पूरा प्रांगण विजेता विद्यार्थियों की प्रशंसा में तालियों से गूंज उठा। स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने और लोटस ग्रुप के अध्यक्ष अश्वनी कुमार ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके मंगल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि स्कूल इस तरह की परीक्षाएं करवाता रहेगा, ताकि सभी बच्चों में छिपा हुनर बाहर आए।
** गर्म मसाले की रेहड़ी लगाने वाली हीरापति के पति मेजर की है दयनीय हालत ** लोगों की मदद से गरीब के पति की बच सकती है जान उप मंडल ज्वालामुखी की हीरापति ने कैंसर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे अपने 30 वर्षीय पति मेजर सिंह के इलाज के लिए लोगों से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। डॉक्टरों ने मेजर सिंह के इलाज के लिए उसकी पत्नी हीरापति को 8 से 10 लाख रुपए का प्रबंध करने को कहा है। हीरापति ने बताया कि वह अब तक अपने पति के इलाज पर अपनी सारी जमापूंजी लगा चुकी हैं। इसके अलावा वह अपने रिश्ते-नातेदारों से भी जितना संभव था मदद ले चुकी हैं। ज्वालामुखी मंदिर मार्ग में गर्म मसाले की रेहड़ी लगाने वाली हिरापति के पति की दयनीय हालत को देखते हुए यहां के स्थानीय दुकानदार भी 25 से 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता उन्हें प्रदान कर चुके हैं। हीरापति ने बताया कि अब उनके पास अपने पति के इलाज के लिए कुछ नहीं बचा है। अब हीरपति ने आर्थिक रूप संपन्न लोगों, स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य समाजसेवी लोगों से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि मेजर सिंह की हालत दिनों-दिन बिगड़ती जा रही है और उसके इलाज के लिए जल्द सहायता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोगों की मदद से उनके पति को जीवन मिल सकता है। हीरापति ने मदद के लिए मेजर सिंह के नाम से बैंक अकाउंट का नंबर भी दिया है और दानी लोगों से इस अकाउंट में यथासंभव मदद की गुहार लगाई है। जो भी व्यक्ति मेजर सिंह की मदद करना चाहता है वह इस खाता नंबर 42525908515, आइएफएस कोड, एसबीआईएन 0010067 पर राशि भेज सकता है। इसके अलावा मेजर सिंह के मोबाइल नंबर 7018944921 पर संपर्क कर सकते हैं। ये नंबर उनका गुगल पे पर भी अवेलेवल है, ऐसे में कोई भी मेजर सिंह की मदद करना चाहता है तो वह उनके इस नंबर के जरिए भी पैसे भेज सकता है। मात्र 30 साल है उम्र, 3 बच्चे छोटे-छोटे मेजर सिंह की उम्र लगभग 30 वर्ष है, ओर उनकी पत्नी हीरापति सहित उनके 3 बच्चे है। इनमें रोहित सबसे छोटा है जिसकी उम्र मात्र 6 साल है, जबकि दूसरा बेटा विक्रम 10 ओर बेटी पूजा 12 वर्ष की हैं। हीरापति के अनुसार हरियाणा के एक नामी अस्पताल में उनका इलाज किया गया था, जिस पर लगभग 10 लाख से अधिक खर्च आया था और अब उनका एक अंतिम सर्जरी होनी है जिसका खर्च लगभग 8 से 10 लाख रुपए बताया गया है। हीरापति ने लोगों से मदद की गुहार लगाई है।
** पुलिस मैदान धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा कार्यक्रम जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को पुलिस मैदान धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा। इसमें विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे, जबकि मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल, मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल विशेष तौर पर उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने देते हुए बताया कि जिला स्तरीय समारोह में मुख्यातिथि 26 जनवरी को प्रात: 10:30 बजे शहीद स्मारक में माल्यार्पण के उपरांत प्रात: 11 बजे पुलिस मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इस दौरान पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स द्वारा मार्च पास्ट निकाला जाएगा। मुख्यातिथि के जनता के नाम संदेश के उपरांत विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी से अखिल को संवाद करने का अवसर मिला है। इनका चयन प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा के लिए हुआ है। हाल ही में दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कला उत्सव में जिला कांगड़ा जयसिंहपुर विस क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोसरी के छात्र अखिल ने 2डी विजुअल आर्ट में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इस कारण परीक्षा पे चर्चा के लिए अखिल का चयन हुआ है। समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक राजेश शर्मा ने बताया कि तीनों विद्यार्थी गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेंगे। 29 जनवरी को परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में भाग लेंगे। वहीं, अखिल ने कहा 'देश प्रधानमंत्री से बात करना मेरे लिए गौरव की बात हो गई, जिसके लिए मैं काफी उत्साहित हूं।Ó
** ठोस कचरा प्रबंधन इकाई स्थापित करने के लिए मिलेगा सम्मान विकास खंड लंबागांव की ग्राम पंचायत गंदड़ को ठोस कचरा प्रबंधन इकाई स्थापित करने के लिए गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए पंचायत प्रधान बिनता कटोच को विभागीय प्रोटोकॉल के अनुसार निमंत्रण पत्र मिला है। विकास खंड लंबागांव की गंदड पंचायत यह सम्मान प्राप्त करने वाली पहली पंचायत बन गई है। जयसिंहपुर के पूर्व विधायक रविंद्र रवि धीमान ने इस उपलब्धि पर गंदड़ पंचायत के सभी प्रतिनिधियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि संपूर्ण स्वच्छता अभियान के चलते केंद्र सरकार द्वारा देश भर की 50 हजार से अधिक पंचायतों को ओडीएफ प्लस मॉडल पंचायत बनने की उपलब्धि हासिल करने पर 26 जनवरी को दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
** स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत कार्ययोजना तैयार करने पर की चर्चा स्वदेश दर्शन 2.0 के पहले चरण में पौंग बांध क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 24 करोड़ खर्च किए जाएंगे तथा प्रारंभिक तौर पर शीघ्र ही सोलर बोट्स चलाई जाएंगी, जिसके लिए ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया जाएगा, ताकि अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटकों को इसकी जानकारी मिल सके। मंगलवार को स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों के साथ वर्चुअल मीटिंग में उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि स्वदेश दर्शन प्रोजेक्ट को धरातल पर अमलीजामा पहनाने के लिए तत्परता के साथ कार्य किया जाएगा ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिला कांगड़ा को राज्य की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि पौंंग बांध क्षेत्र में पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को बढ़वा देने के लिए सरकार और जिला प्रशासन द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत पौंग बांध क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए काम कर रही निजी कंसल्टेंसी फर्म वॉयन्ट्स सोल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों के साथ क्षेत्र के विकास से जुड़े हर पहलू पर चर्चा की। उपायुक्त ने उनकी योजना का विस्तृत ब्यौरा लेते हुए क्षेत्र के विकास संबंधित व्यवहारिक सुझाव उनसे साझा किए। उन्होंने पोंग बांध क्षेत्र में किए जाने वाले कार्यों के स्कोप और उनकी व्यवहार्यता से संबंधित दिशा निर्देश कंसल्टेंसी फर्म के प्रतिनिधियों को दिए। उपायुक्त ने कहा कि पौंग बांध क्षेत्र में मुख्त: नगरोटा सूरियां, फतेहपुर, नंगल चैक और मठियाल के क्षेत्र पड़ते हैं। इन सभी क्षेत्रों की अपनी खासियत है तथा उसके अनुरूप ही वहां पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को खड़ा करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बोटिंग, वॉटर स्पोर्ट्स, साहसिक गतिविधियां, पक्षी दर्शन, इको टूरिज्म, सांस्कृतिक और मंदिरों से जुड़े विशेष स्थान हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकसित गतिविधियों के अनुरूप स्थानीय युवाओं के क्षमता निर्माण और कौशल विकास पर भी कार्य करने की आवश्यकता है।
ज्वालामुखी विधानसभा के अंतर्गत खुंडियां के घट्टा चौक से लगड़ू संपर्क मार्ग वाया लाहडू, जिसकी दूरी 13 किलोमीटर है, जो कि गत बरसात में आई आपदा के समय से लाहडू में बंद पड़ा है। मौजूदा समय में पांच माह बीत जाने के बाद भी उक्त सड़क बड़े व छोटे वाहनों के लिए बहाल नहीं हो पाई है। उक्त सड़क के बंद होने से क्षेत्र की 7 पंचायतों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ा रहा है, जिस पर आज स्थानीय लोगों ने रोष व्यक्त किया है।
** सीपीएस ने कहा, जिम्मेदार व्यक्तियों पर लेंगे एक्शन पंचायतों से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के लिए कर्मचारी पूरी गंभीरता से कार्य करें। पंचायती राज से जुड़े कार्यों में लेटलतीफी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा जिम्मेदार व्यक्तियों पर एक्शन लेने से भी सरकार परहेज नहीं करेगी। ब्लॉक ऑफिस बैजनाथ में पंचायती राज विभाग से संबंधित विकास कार्यों की समीक्षा हेतु आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य संसदीय सचिव कृषि, पशु पालन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज किशोरी लाल ने यह बात कही। किशोरी लाल ने विकास खंड बैजनाथ की 50 पंचायतों से आए पंचायती राज विभाग के कर्मचारियों से उनके क्षेत्र में कहो रहे विकास कार्यों का पूरा ब्यौरा लिया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं पंचायत स्तर से उठकर यहां तक पहुंचे हैं इसलिए पंचायतों से संबंधित कार्यों के क्रियान्वन को लेकर उन्हें पूर्ण जानकारी है। उन्होंने कहा कि पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों का वे स्वयं स्पॉट पर जाकर निरीक्षण करेंगे और जहां कमी आएगी वहां एक्शन भी लेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायतों के कार्य आम लोगों से जुड़े हैं तथा इनकी गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि आज पंचायतों के विकास के लिए सभी संसाधन उपलब्ध हैं और भविष्य में भी किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गावों का विकास और आम आदमी के लिये मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों और कार्यक्रमों का लाभ आम आदमी और गांव तक पहुंचाने में सबसे महत्वपूर्ण योगदान पंचायतों का है। उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों से आह्वान किया कि सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनमानस तक पहुंचाने के साथ-साथ विकास कार्यों के लिये जारी धनराशि का उपयोग निर्धारित समय सीमा में करें, ताकि लोगों को सही रूप में योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके। सीपीएस ने कहा कि मनरेगा के तहत अधिक कार्यों को आरम्भ कर लोगों को लाभ पहुंचाया जाये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस बात को भी सुनिश्चित किया जाये कि मनरेगा में रोजगार मांगने वाले प्रत्येक व्यक्ति को 100 कार्य दिवस उपलब्ध करवाये जाये। उन्होंने कहा कि सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि, 15वें वित्त आयोग, मनरेगा, विकास में जन सहयोग, विधायक निधि, स्वच्छ भारत मिशन तथा विधायक विकास निधि, कार्यों में तेजी लाये जाये। सीपीएस ने इस दौरान आम जनमानस की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुनते हुए उनका समाधान किया। धुईं मेले के विजेता पहलवानों को किया पुरस्कृत मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल ने धार-चढ़ियार में आयोजित धुईं मेले में शिरकत कर जनसंवाद किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जब वे धुईं लखदाता मेले में आए थे तब मेला कमेटी ने अखाड़े तक सड़क बनाने की मांग रखी थी। उन्होंने कहा कि इसके बाद यहां सड़क निर्माण किया गया और उन्हें प्रसन्नता है कि इस वर्ष वे अखाड़े तक गाड़ी से आए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस सड़क को बहुत जल्द पक्का किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कमेटी की मांग के अनुसार इस अखाड़े को भी बड़ा किया जाएगा बशर्ते मेला कमेटी के पास जमीन उपलब्ध होनी चाहिए। सीपीएस ने इस दौरान धुईं लखदाता मेला कमेटी द्वारा आयोजित कुश्ती का अवलोकन कर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बड़ी माली के विजेता पहलवान जुमा को 21000 रूपये और उपविजेता पहलवान शिवा को 15000 रुपये तथा छोटी माली के विजेता कुष्णा को ग्यारह हजार तथा उपविजेता साहिल को सात हजार रूपये की राशि पुरस्कार के रूप में दी। उन्होंने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक विरास्त के द्योतक हैं। उन्होंने कहा कि यह मेले समाज में जीवंतता और समरसता स्थापित करने में अहम योगदान देते हैं।
** कहा, विकास में बुजुर्गों का आशीर्वाद और सम्मान जरूरी ** हर चैराहे पर बनेंगे रेन शेल्टर, सीसीटीवी कैमरे भी लगेंगे नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रेंक आरएस बाली ने नगरोटा में विकास कार्यों के उद्घाटन वरिष्ठ नागरिकों के कर कमलों से करवाने की नई रिवायत आरंभ की है। मंगलवार को नगरोटा विस क्षेत्र के जंदराह पंचायत के अंतर्गत खबल खोली में गांव के बुजुर्गों, जिनमें प्यार चंद, कौशल्या देवी और अन्य बुजुर्गों से नवनिर्मित रेन शेल्टर का उद्घाटन अपनी मौजूदगी में करवाया। इससे पहले भी सितंबर माह में नगरोटा विस क्षेत्र में पांच लाख की लागत से भरोबड़ चैक के सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन भी पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने वरिष्ठ नागरिकों से करवाया था। इस अवसर पर पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में विकास के लिए वरिष्ठ जनों तथा बुजुर्गों का सम्मान और आशीर्वाद जरूरी होता हैै इसी के मध्येनजर नगरोटा विस क्षेत्र में ग्रामीण स्तर पर विकास कार्यों के उद्घाटन कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों को विशिष्ट अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास की कार्य योजना भी आम जनमानस के सुझावों के आधार पर ही तैयार की जाएगी ताकि विकास में स्थानीय लोगों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जा सके। पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा विस क्षेत्र के विभिन्न चैकों के सौंदर्यीकरण के लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे इसके साथ ही मुख्य चैराहों पर रेन शेल्टर बनाए जाएंगे साथ में लाइट और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे जिन्हें पुलिस कंट्रोल रूम के साथ जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि नगरोटा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए भी कार्य योजना तैयार की गई है। इसमें नगरोटा बगबां में टूरिज्म विभाग का होटल भी खोला जाएगा तथा देश का सबसे बड़ा फाउंटेन भी नगरोटा में स्थापित होगा इसके साथ ही विभिन्न जगहों पर चिल्ड्रन पार्क निर्मित किए जाएंगे जिसमें बच्चे तथा बुजुर्ग सुबह तथा शाम अपना समय व्यतीत कर सकें। बाली ने कहा कि विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए भी कारगर कदम उठाए जा रहे हैं ताकि नगरोटा विस क्षेत्र एक आदर्श विस क्षेत्र के रूप में अपनी पहचान कायम कर सके। इसके साथ ही पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने मंगलवार दोपहर बाद बालू ग्लोआ में
** कहा, प्रत्येक माह के अंतिम दो दिनों में आयोजित की जाएं राजस्व लोक अदालतें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां प्रशासनिक सचिवों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रत्येक माह के अंतिम दो दिनों में राजस्व लोक अदालत आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि इन लोक अदालतों के उत्साहजनक परिणाम सामने आ रहे हैं। इन अदालतों में अब तक इंतकाल के 65000 से अधिक और तकसीम के 4000 से अधिक लंबित मामलों का निपटारा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है क्योंकि वर्तमान सरकार जन-जन की सरकार है। उन्होंने कहा कि वन विभाग में वन मित्रों की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है और अगले महीने के पहले सप्ताह से शारीरिक परीक्षण भी आरंभ हो जाएगा। उन्होंने पुलिस विभाग में 1226 पुलिस कांस्टेबल पदों को भरने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के लोगों को उनके घर-द्वार के समीप विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। अभी तक राज्य के 50 विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्थापित किए जा चुके हैं, इनमें 6-6 विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को शिमला शहर के सर्कुलर रोड में यातायात के सुचारू संचालन के लिए सभी बाधाओं को दूर करने के निर्देश भी दिए।
डाडासीबा व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह गोगा की अगुवाई में आज बाजार के व्यापारियों ने कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मनकोटिया को उनके निवास स्थान पर जाकर शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। डाडासीबा में हो रहे विकासात्मक कार्यों जैसे डाडासीबा में पुलिस स्टेशन बनाने और कॉलेज में बीबीए, बीसीए की कक्षाएं शुरू करने व कॉलेज और मिनी सचिवालय की बिल्डिंग के लिए एक-एक करोड़ देने की घोषणा किये जाने पर उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व कांग्रेसी नेता सुरेंद्र सिंह मनकोटिया का तहे दिल से आभार व्यक किया है। व्यापारियों ने लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया। इस मौके पर कृष्णदत शर्मा, पंडित अक्षय शर्मा रितेश शर्मा, प्रवीण मेहता, राजेंद्र फौजी, गुरमीत सिंह व गुलशन कुमार प्रमोद सिंह, पूर्व प्रधान धर्मचंद, पूर्व प्रधान जय जैसी राम ,नवीन मेहता, कालू जितेंद्र सिंह, संजीव कुमार सहित कई अन्य दुकानदार मौजूद रहे।
** विधायक ने बसंतपुर स्कूल के वार्षिक समारोह में नवाजे होनहार विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि मजबूत शिक्षण संस्थान तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव होता है। यह बात विधायक ने आज इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसंतपुर के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों की बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर है तथा इस पर सरकार का पूरा ध्यान केंद्रित है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में राजीव गांधी राजकीय डे-बोर्डिंग विद्यालय खोलने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज जितने भी उच्च शिक्षण संस्थान चल रहे हैं वे कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में ही खोले गए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वार्षिक उत्सव संस्थान में वर्षभर के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों के लिए सम्मानित करने का अवसर होता है। इसके आयोजन से छात्रों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और छात्रों को उचित मंच पर प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होता है। मलेंद्र राजन ने बताया कि विद्यालय में 15 लाख रुपए की लागत से खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा जिसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्रदेश सरकार को स्वीकृति हेतु भेजी गई है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में साइंस ब्लॉक निर्माण के लिए भी प्रदेश सरकार को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट भेजी जाएगी। मलेंद्र राजन ने कहा कि स्कूल में पंजाबी भाषा अध्यापक का पद भी सृजित करवाया जाएगा ताकि यहां के बच्चे भी पंजाबी सीख सकें। मलेंद्र राजन ने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं, ताकि यहां के बच्चों को अपने घर के पास ही बेहतरीन शिक्षा उपलब्ध हो सके। इससे पहले, स्कूल के प्रधानाचार्य रत्नेश्वर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा स्कूल की गतिविधियों के बारे में अवगत करवाया। इस मौके पर छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए । सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए विधायक ने 21 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
** मंत्री ने लियूंड़ा और करोंठी में सुनी लोगों की समस्याएं आयुष, युवा सेवायें एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने ग्राम पंचायत सकोह के वार्ड लियूंड़ा तथा करोंठी में जनसमस्याओं को सुना और मौके पर इनका निपटारा किया। गोमा ने लोगों का चुनावों में समर्थन करने के आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने उन्हें विधानसभा पहुंचाया और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया। उन्होंने कहा कि लोगों की भावनाओं तथा क्षेत्र की जरूरत के अनुरूप विकास को आगे बढ़ाया जायेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के लिये कार्य किया जायेगा। गोमा ने कहा कि लियूंड़ा तथा करोंठी गांव की सभी समस्याएं उनके ध्यान में हैं और इनका स्थाई समाधान चरणबद्ध तरीके से किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने उन्हें मंत्री के रूप में जो मान-सम्मान दिया गया है। यह जयसिंहपुर के मतदाताओं के आशीर्वाद से संभव हुआ है। उन्होंने मंदिर शेड को डेढ़ लाख तथा महिला मंडल भवन रिपेयर के लिये धनराशि देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि लियूंड़ा गांव की पुलियों को जो नुकसान पहुंचा उसको ठीक करवाने के लिये लोक निर्माण विभाग को आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि गांव करोंठी से मुख्य सड़क तक और शमशान घाट रास्ते के निर्माण के लिये अढाई लाख देने की घोषणा की और गांव की शेष मांगों को चरणबद्ध करने का आश्वासन दिया। प्रधान ग्राम पंचायत सकोह सुशील कुमार, उपप्रधान राम सिंह, हेम राज, सुनील कुमार, बीडीसी सदस्य कविता देवी, सुमित, विजय, रंजीत कुमार, बीडीओ सिकंदर कुमार, एसडीओ बलदेव चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
** सांसद ने बीबीएमबी को जल संसाधन-विद्युत मंत्रालय के सचिवों के साथ मीटिंग के दिए निर्देश ** पौंग विस्थापितों के राहत तथा पुनर्वास की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित पौंग विस्थापितों के लंबित मामलों को निपटाने के लिए बीबीएमबी प्रशासन को जल संसाधन मंत्रालय तथा विद्युत मंत्रालय के सचिवों के साथ संयुक्त बैठक के आयोजित करवाने के निर्देश दिए हैं। इस बाबत आज सांसद किशन कपूर की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय परिसर में पौंग विस्थापितों के राहत तथा पुनर्वास के लिए आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिन पौंग विस्थापितों को अब तक राजस्थान में जमीन उपलब्ध नहीं करवाई गई है, उसका वन टाइम सेटलमेंट के जरिये हल निकालने का प्लान भी तैयार किया जाए, ताकि पौंग विस्थापितों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं झेलनी पड़े। सांसद किशन कपूर ने कहा कि पौंग डैम बनने से कांगड़ा जिला के विभिन्न उपमंडलों में 20722 परिवार प्रभावित हुए थे जिनमें से 16352 को जमीन मुहैया करवाने की प्रक्रिया आरंभ की गई थी तथा राजस्थान में 8609 प्रभावित परिवारों को खेती योग्य जमीन उपलब्ध करवाई जा चुकी है जबकि अभी 7743 प्रभावित परिवारों को जमीन मुहैया करवाने के मामले अभी तक लंबित हैं इन मामलों के त्वरित निपटारे के लिए उपयुक्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। सांसद किशन कपूर ने कहा कि पौंग विस्थापितों के लंबित मामलों का समयबद्व निपटारा करने के लिए प्रति माह राजस्थान के राजस्व अधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित की जाएं तथा आयुक्त राहत एवं पुनर्वास फतेहपुर की ओर तैयार किया गया रिकार्ड भी राजस्थान सरकार को उपलब्ध करवाया जाए। इस अवसर पर देहरा के विधायक होशियार सिंह ने पौंग विस्थापितों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि पौंग जलाशय में सिल्ट इत्यादि को निकालने के लिए उपयुक्त कदम उठाए जाएं इसके साथ ही पौंग जलाशय के साथ कई पंचायतों में भूस्खलन इत्यादि की समस्या भी उत्पन्न हुई है तथा बीबीएमबी प्रशासन को रिटेनिंग वॉल लगाने के लिए कारगर कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक कालेश्वर महादेव मंदिर के नजदीक भी सिल्ट के कारण काफी समस्या उत्पन्न हो रही है तथा बरसात के दौरान कालेश्वर मंदिर परिसर तक जलाशय का पानी आ जाता है। पौंग जलाशय के इसके साथ ही जलाशय की परिधि में सड़क निर्माण का सुझाव भी दिया ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि पौंग डैम प्रभावितों का गहनता के साथ राजस्व रिकार्ड तैयार किया गया है तथा पौंग डैम के विस्थापितों के पुनर्वास को लेकर भी प्रशासन की ओर से कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। पौंग डैम विस्थापितों की फाइल दुरूस्ती के लिए बंदोबस्त कार्यालय को भेजी गई है।
** मंत्री ने बालकरूपी स्कूल में सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण ** कहा, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी थे नेताजी नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर आयुष, युवा सेवायें एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालकरूपी में नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी तथा सबसे बड़े नेता थे और नेताजी के आह्वान पर हजारों लोग आजादी की लड़ाई में कूद पड़े थे। उन्होंने कहा कि नेताजी के जादुई और अद्भुत नेतृत्व कौशल ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में नई जान फूंकी थी। आज स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती है। पूरा देश उन्हें याद कर रहा है। उन्होंने छात्रों से महापुरषों के दिखाए रास्तों और उनकी शिक्षाओं का अनुसरण करने का आह्वान किया। इस अवसर पर इलाके से मातृ भूमि की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद कमल सिंह, शहीद देश राज और शहीद धर्म सिंह के परिजनों को मंत्री ने सम्मानित किया गया।
डीएवी भडोली स्कूल में प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा के दिशा निर्देश में आज विद्यालय में रामलला प्राण प्रतिष्ठा दिवस के उपलक्ष्य पर कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जीवन से संबंधित विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। प्रधानाचार्य ने बच्चों और अध्यापकों को रामलाल प्राण प्रतिष्ठा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और और बच्चों को बताया कि भगवान राम एक श्रेष्ठ राजा थे। उन्होंने सत्य, दया, करुणा, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलते हुए राज किया। इन्हीं गुणों की वजह से उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है। भगवान राम के जीवन से यह प्रेरणा मिलती है कि हमें अपने माता-पिता, गुरुजनों की भावनाओं का पूरा सम्मान करना चाहिए। हमें साहस और बुद्धि से प्रत्येक कठिनाई का सामना करना चाहिए। कार्यक्रम की शुरुआत हवन यज्ञ से की गई। बच्चों के द्वारा राम आएंगे राम आएंगे राम आएंगे, मेरी झोपड़ी के भाग खुल जाएंगे- भजन पर विद्यालय का वातावरण भक्तिमय बन गया।
हिमालयन गद्दी यूनियन अपनी मांग, जोकि गद्दी समुदाय के साथ गद्दी शब्द जोड़ने की है, उसको जोर-शोर से उठा रही है। प्रदेशाध्यक्ष मोहिंद्र सिंह ने कहा कि गद्दी शब्द को समुदाय की छह वंचित उपजातियों के साथ जोड़ने की लगातार सरकार से मांग उठा रहे हैं, लेकिन अब तक इस मुद्दे का हल नहीं हो पाया है। मोहिंद्र सिंह ने कहा प्रदेश में कुछ अधिकारी लगातार गद्दी समुदाय में होते हुए गद्दी शब्द को हटाने की त्रुटि को दुरुस्त करने की जहमत नहीं उठा रहे हैं। समुदाय में 70 फीसदी आबादी होने के बावजूद धोखे में रखा जा रहा है। अध्यक्ष ने कहा कि ट्राईबल को लेकर हमारी मांग नहीं है, मात्र अब मान-सम्मान के लिए ही गद्दी शब्द की जरूरत है। उन्होंने सरकार को चेताते हुए कहा कि लोस चुनावों को लेकर भी अब वोट के लिए प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों के तहत छह बार गद्दी होने को लेकर रिपोर्ट सरकार को भेजी जा चुकी है, जिसमें कांगड़ा-चंबा में रहने वाली उप जातियों जिसमें मुख्य रूप से छह जातियां सिप्पी, हाली, धोगरी, वाड़ी, लौहार व रिहाड़े शामिल है। जिसमें कुछ फीसदी लोगों को शामिल किया गया है, जबकि कुछेक वंचित लोगों को शामिल किया जाना है। जिलाधीशों की रिपोर्ट के तहत हर बार रिपोर्ट में उपजातियों को गद्दी पाया गया है। सरकार से गद्दी शब्द जोड़ने की सिफारिश की है। इतना ही नहीं सचिवालय के सचिव स्तर के अ प्रदेशाध्यक्ष मोहिंद्र सिंह ने कहा कि पांच-पांच बार जांच पड़ताल की जा चुकी है। बावजूद इसके अब चार लाख से अधिक लोगों को नाराज किए जाने का खामियाजा सरकार को भुगतान करना पड़ेगा। इस विषय को लेकर प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी मांग उठाई गई है, लेकिन अब तक कोई उचित कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही इस विषय पर उचित कदम न उठाने पर अब बड़ा जन आंदोलन करने के लिए मजबूर पड़ेगा।
** कृषि मंत्री ने ढुगियारी स्कूल के होनहार छात्रों को किया पुरस्कृत शिक्षक बच्चों के लिए सबसे बड़े प्रेरक और मार्गदर्शक होते हैं, जिनसे बच्चे आगे बढ़ने की प्रेरणा लेते हैं व जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल करते हैं। ये शब्द कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने सोमवार को राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डुगियारी के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहे। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 2050 उत्कृष्ट पाठशालाएं स्थापित करने का निर्णय लिया है और अगले शैक्षणिक शिक्षा सत्र से सरकारी स्कूलों में भी छात्रों को इंग्लिश मीडियम में शिक्षा ग्रहण करने की सुविधा रहेगी। कृषि मंत्री ने कहा कि शिक्षा पद्धति में सुधार और बच्चों को आधुनिक माध्यमों से शिक्षा उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत 17 हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को टैबलेट उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना आरंभ कर प्रदेश के पात्र विद्यार्थियों को व्यावसायिक तथा तकनीकी शिक्षा के लिए एक प्रतिशत ब्याज की दर पर ऋण के लिए अधिकतम 20 लाख रुपये तक शैक्षणिक ऋण का प्रावधान किया गया है। उन्होंने छात्रों को वार्षिक उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि जीवन मे सफलता प्राप्त करने के लिये अनुशासन और कड़ी मेहनत को अपना साथी बनाए। उन्होंने अध्यापकों से बच्चों की रुचि तथा प्रतिभा की पहचान कर मार्गदर्शित करने का आह्वान किया। इससे पहले स्कूल के प्रधानाचार्य ने विद्यालय की वार्षिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। मुख्यातिथि ने मेधावी बच्चों को पुरस्कृत भी किया तथा विद्यालय में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिये 21 हजार देने की स्वीकृति भी प्रदान की। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीएम कांगड़ा ईशांत जसवाल, प्रधानाचार्य शक्ति प्रसाद,एसएचओ गगल प्यारे लाल, एसएमसी प्रधान पूजा,अमित शर्मा,कैलाश राणा, मल्कियत,धनीराम, संजीव कुमार, रजनीश ,ईश्वरदास, रविंद्र, ऋषि, प्रधान सुनीता देवी, प्रधान निशा, अध्यापक और बच्चे मौजूद रहे।
** विधायक ने गंगथ स्कूल में नवाजी होनहार छात्राएं विधायक मलेंद्र राजन ने कहा है कि शिक्षा जीवन का सबसे बड़ा मूलमंत्र है और बगैर इसके मनुष्य का जीवन अधूरा है। विधायक ने ये शब्द सोमवार को इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गंगथ के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि शिक्षण ढांचे की मजबूती तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समृद्धि का स्रोत होने के साथ ही समाज को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके लिए प्रदेश सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध करवाने के प्रति गंभीर है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से राजीव गांधी राजकीय डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने आगामी वित्त वर्ष में ऐसे 18 अत्याधुनिक तकनीक व उपकरणों से लैस स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया है। मलेंद्र राजन ने कहा कि कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में प्रदेश में शिक्षण संस्थानों व शिक्षा का काफी विस्तार हुआ है। वर्तमान सरकार प्रदेश में नए शिक्षण संस्थान खोलने के बजाए पुराने सभी संस्थानों का युक्तिकरण करते हुए शैक्षणिक ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रही है, जिसके तहत शिक्षण संस्थानों में विभिन्न श्रेणियों के रिक्त पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया तेजी से शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि वार्षिक उत्सव संस्थान की वर्षभर के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों के लिए सम्मानित करने का अवसर होता है। इसके आयोजन से छात्रों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और छात्रों को उचित मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होता है। इस मौके पर छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यातिथि ने 21 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त स्कूल में एक लाइब्रेरी रूम तथा स्टेज पर शेड बनाने के लिए धनराशि देने की घोषणा की।
** बोले, राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा ** नगरोटा विधानसभा के चाहडी, मुहालकड, लाखामंडल पंचायतों में सुनीं समस्याएं पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि ने कहा कि लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्या को देखते हुए प्रदेश सरकार ने विशेष इंतकाल राजस्व लोक अदालतों का आयोजन शुरू किया। जिसके तहत अब लोगों के राजस्व सम्बंधित कार्य तय समय के अंदर हल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन राजस्व लोक अदालतों के जरिए अब तक 65 हजार से अधिक इंतकाल के मामलों का निपटारा किया जा चुका है। सोमवार को पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के चाहडी,मुहालकड, लाखामंडल,पंचायत में विकास कार्यों का जायजा लिया तथा लोगों की समस्याएं सुनने के उपरांत कहा कि प्रदेश सरकार कई जनहितैषी योजनाएं लागू कर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक अपनी पहुंच सुनिश्चित कर रही है ताकि पात्र लोगों तक प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अनाथ, विशेष रूप से सक्षम बच्चों, निराश्रित महिलाओं और वृद्धजनों को व्यापक सहायता के दृष्टिगत मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना की शुरूआत की है और इस योजना के अंतर्गत पात्र लोग लाभान्वित होने शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अनाथ बच्चों एवं अन्य वंचित वर्गों की मदद के लिए कानून बनाकर यह योजना लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है । उन्होंने कहा कि गरीब व वंचित लोगों की सेवा ही उनका कर्म है तथा इसी दिशा में पंचायत संवाद पंचायत मिलन कार्यक्रम आरंभ किया गया है ताकि सभी लोगों की समस्याएं उनके घर द्वार पर सुनीं जा सकें। उन्होंने कहा कि गांवों की आर्थिकी सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार कृषि के ढांचे में व्यपक बदलाव कर रही है। उन्होनें कहा कि हिम उन्नति योजना के तहत ब्लॉक स्तर पर 250-300 किसान चिन्हित किए जाएंगे जिनके पास 30-40 बीघा जमीन और दुधारू पशु होने चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे किसानों की जमीन और खेती की सूक्ष्म स्तर पर स्टडी की जाएगी तथा उन्हें वहां की परिस्थितियों व वातावरण में खेती करने के लिए प्रशिक्षण प्रदान कर क्लस्टर आधारित खेती शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से खाद के रूप में गोबर की खरीद भी करने जा रही है। उन्होंने बताया कि इस जैविक खाद को कृषि व बागवानी विभाग के फार्मों में इस्तेमाल करने के अलावा खुले बाजार में भी बिक्री की जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम मुनीष शर्मा, बीडीओ राजेश सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी सुरेश वालिया, अधिशासी अभियंता आईपीएच विवेक ठाकुर, अधिशासी अभियंता बिजली विभाग कमल चैधरी, तहसील कल्याण अधिकारी दीपाली, महासचिव अजय सिपहिया स्वरूप चैहान, धर्मचंद, प्यारचंद पंचायत प्रधान, और ग्रामीण मौजूद रहे।
भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम के अवसर पर आज जयसिंहपुर उप मंडल के विभिन्न मंदिरों में राम नाम गंूजा। लंबागांव के बाबा कोडगिर मंदिर, माता आशापुरी मंदिर में कार्यक्रम को बड़े हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया। गांव में शोभा यात्रा के साथ राम-सीता, लक्ष्मण और हनुमान की झांकी निकाली गई। यह झांकी बाबा कोडगिर मंदिर से निकाली गई, जो बाजार से होकर आशापुरी मंदिर राज महल में संपन्न हुई। माता मातापूरी मंदिर में महिलाओं ने भजन कीर्तन कर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की खुशी मनाई। वहीं, बाबा कोडगिर मंदिर में हवन और 108 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया व हलवे का प्रसाद वितरित किया गया। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री चंद्रेश कुमारी के बेटे राजा ईश्वर ने कहा कि भगवान राम मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में हमारे मन में विराजमान हैं और भगवान विश्व शांति और देश की उन्नति में सभी जनमानस को सद्बुद्धि प्रदान करें।
श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के शुभ अवसर पर आज प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ द्वारा शिव मंदिर व श्री राम मंदिर का भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर में पूजा-अर्चना करने के आद हवन यज्ञ किया गया। इसके साथ भंडारे का आयोजन भी किया गया। मंदिर में महिला मंडल द्वारा कीर्तन भी किया गया। आज हजारों की संख्या में भक्तों ने भोलेनाथ जी दर्शन किए तथा राम दरबार में माथा टेका। इस अवसर पर सभा के प्रधान ओमप्रकाश कटोच, उप प्रधान अजीत सिंह, युद्धवीर सिंह, कार्यलय सचिव जोगिंदर पाल भारद्वाज, प्रेस सचिव सुरिंदर शर्मा, संगठन सचिव रमेश पठानिया प्रेम सिंह, सचिव त्रिलोचन कंवर सुरजीत सिंह, सतीश मन्हास, उपस्थित रहे ।
** इंदौरा के गांव भोग्रवां व संजवां में मनाया कार्यक्रम, भंडारे लगाए इंदौरा के गांव भोग्रवां व संजवां में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम को बड़े ही हर्षो उल्लास से मनाया गया। गांव में कलश यात्रा के साथ राम-लक्ष्मण-सीता और हनुमान की झांकी निकाली और भोग्रवां पंचायत में झांकी द्वारा भ्रमण किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज में सभी लोग राममय हो गए। भगवान राम मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में हमारे मन में विराजमान करें और विश्व शांति और देश की उन्नति में सभी जनमानस सबुद्धि प्रदान करें। लोगों ने भगवान राम का दर्शन कर अपने आप को मर्यादा पुरुषोत्तम को समर्पित किया। इस कार्यक्रम का आयोजन पंचायत भोग्रवां में सभी के सहयोग द्वारा किया गया। गांव में भगवान राम मंदिर पर हवन के साथ-साथ गाजर के हलवे का भी आयोजन किया गया।
** पूरे प्रदेश में दिवाली जैसा माहौल ** जगह-जगह लगे भंडारे, शोभा यात्राएं निकालीं भगवान राम की जन्म भूमि अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में देवी-देवताओं की भूमि हिमाचल प्रभु राम के रंग में रंग गया है। पूरे प्रदेश में दिवाली जैसा माहौल है। राज्य के 4 हजार के करीब मंदिरों में एलईडी स्क्रीनें लगाकर रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह दिखाया गया। हर कोई भगवान राम की भक्ति में डूबा नजर आ रहा है। मंदिरों में धार्मिक आयोजन, जगह-जगह भंडारे और शोभा यात्राएं निकाली जा रही हैं। प्रदेश की शक्तिपीठों, बज्रेश्वरी मंदिर, चामुंडा, ज्वालाजी, नयना देवी, चिंतपूर्णी में विशेष आयोजन हो रहे हैं। मंदिरों में सोमवार सुबह अखंड रामायण पाठ, हवन, सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा पाठ हुआ। अगर बात करे शिमला जिला की तो यहां 100 से अधिक और राजधानी के 60 मंदिरों में श्रद्धालुओं को प्राण प्रतिष्ठा समारोह लाइव दिखाया गया। शाम 5 बजे मंदिरों में दीप जलाएं जाएंगे। राजधानी का सबसे बड़ा कार्यक्रम राम बाजार स्थित राम मंदिर में हो रहा है।
जयसिंहपुर भाजपा मंडल की कोसरी जोन के जालग कोसरी और नाहलना ग्राम केंद्रों की बैठक रविवार को मंडल अध्यक्ष देवेंद्र राणा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें प्रदेश पार्टी विस्तारक सतीश राणा व पूर्व विधायक रवि धीमान ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। पार्टी विस्तारक ने आगामी चुनावों से संबंधित कार्यक्रमों की जानकारी दी इस मौके पर कोसरी बूथ से रिटायर्ड अध्यापक उधम सिंह ने पार्टी का दामन थामा तथा पीएम मोदी की योजनाओं की सराहना की। इस मौके पर राणा ने कहा कि आज पूरा विश्व भारत को नमन करता और पीएम मोदी की नीतियों की सराहना करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस बार एक बार फिर केंद्र में मोदी सरकार बने, इसके लिए जी तोड़ मेहनत करें। बैठक में मंडल महामंत्री स्वरूप डोगरा जोन प्रभारी कैप्टन दलेर राणा, सह प्रभारी कुश राणा, धुपकियारा प्रधान सरस्वती जरियाल, प्रधान कोसरी राजेशना शर्मा, बूथ अध्यक्ष आमी चंद, मनी राम, कुमेर चंद, मान सिंह, रवींद्र कुमार, भवानी सिंह, रजिंदर सिंह, बलकार सिंह, कश्मीर चंद, अशोक कुमार, संतोष कुमार व बीएलए व बूथ पालक एवं अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
** अग्रिकांड में रिहायशी मकान पूरी तरह से जलकर राख ** प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 20 हजार की फौरी राहत दी विकास खंड इंदौरा के अंतर्गत पड़ती ग्राम पंचायत चलोह में एक घर में आग लगने से दो व्यक्ति बुरी तरह से झुलस गए, वहीं पूरा मकान जलकर राख हो गया। मामले की जानकारी देते हुए एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि उन्हें फोन के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम पंचायत चलोह में एक रिहायशी मकान में आग लग गई है। इसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोग आग बुझाने में जुट गए, लेकिन इस अग्रिकांड में मकान पूर्ण रूप से जल गया। वहीं, मकान में रह रहे बलवीर सिंह पुत्र सरैन सिंह और राजकुमारी पत्नी सरैन सिंह भी आग की चपेट में आने से बुरी तरह से झुलस गए हैं। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल इंदौरा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें नूरपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।
** आयुष एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता ** कार्यक्रम में आईं 98 समस्याओं में से अधिकतर का मौके पर ही निपटारा जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के हलेड़ में आज 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुष एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने की। कार्यक्रम में लोगों द्वारा 98 समस्याएं रखी गईं, जिनमें से अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि हिमाचल की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव के द्वार, हिमाचल सरकार का महत्वकांशी कार्यक्रम है, जिसमें लोगों की समस्याओं को गांव में जाकर सुना जा रहा है। मंत्री ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना में जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के 29 असहाय बच्चों को 4 हजार प्रति माह के हिसाब से 4 महीने का वजीफा वितरित किया। वहीं, शगुन योजना के तहत 7 लाभार्थी बेटियों को 31-31 हजार रुपये के पत्र भी वितरित किये। गोमा ने कहा कि एक वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने जयसिंहपुर हलके के विभिन्न विकास कार्यों के लिये 2 करोड़ रुपये जारी किये हैं और भविष्य में भी विकास के लिये धन की कमी आड़े नहीं आयेगी। उन्होंने कहा कि इलाके की मूलभूत जरूरतों लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि हलेड मैदान को सवारने के लिये भी 20 लाख रुपये जारी किये गये हैं ताकि इस क्षेत्र के बच्चों को भी खेलने के लिये अच्छा मैदान मिले। उन्होंने कहा कि सीएचसी जयसिंहपुर में 7 चिकित्सक सेवारत हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में 15 लाख की डिजिटल एक्सरे मशीन भी उपलब्ध करवा दी गयी है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित बनाया जाये। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।उन्होंने इस अवसर पर आयुष विभाग के माध्यम से जामुन के पौधे भी वितरित किये। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और आयुष विभाग द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन भी किया गया। इसमें एलोपैथी में लगभग 92 लोगों ने चेकअप करवाया, जबकि आयुष विभाग के कैम्प में 230 लोगों अपनी जांच करवाई। इस अवसर पर निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई।
विकास खंड लंबागांव ग्राम पंचायत दगोह को एक बार फिर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, स्वच्छ भारत मिशन, व 15वां वित्तायोग के अंतर्गत वर्ष 2023-24 में खंड की सभी पंचायतों से बेहतर काम करने पर प्रथम पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र मिला है। यह इनाम सरकार गांव के द्वार हलेहड़ में बतौर मुख्य अतिथि पधारे कैबिनेट मंत्री इंजीनियर यादविंद्र गोमा, जिलाधीश कांगड़ा निपुण जिंदल , एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री व सभी जिला अधिकारी के मौजूदगी में दिया गया। मंत्री ने सभी गांववासियों को इस पुरस्कार के लिए बधाई दी।
** धर्मशाला हलके में 28 कार्यों को 1 करोड़ 8 लाख मंजूर ** गांव से लेकर शहर तक एक समान विकास का टारगेट स्मार्ट सिटी के तहत देश के चुनिंदा शहरों में धर्मशाला को शामिल करवाने के बाद अब गावों को स्मार्ट बनाने पर फोकस किया जा रहा है। यह बात कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने रविवार को यहां जारी बयान में कही। रविवार को सुधीर शर्मा ने धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में 28 विकास कार्यों के लिए मंजूर बजट की फैक्ट एंड फिगर रिपोर्ट जनता के सामने रखी। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने बताया कि इन 28 कार्यों पर एक करोड़ आठ लाख की राशि मंजूर करवा दी है। कहीं काम शुरू हो गया है और कहीं काम शुरू होने वाला है। इन कार्यों में निर्माण सुरक्षा दीवार रवि कुमार एवं अन्य के घर के पास वार्ड न 3 ग्राम पंचायत रक्कड़ हेतु 3.5 लाख मंजूर करवाए हैं, तो निर्माण प्रवाह सिंचाई योजना नीरज एवम अन्य के घर के पास ग्राम पंचायत नरवाना खास हेतु 3.5 लाख स्वीकृत करवाए हैं। इसी तरहनिर्माण सुरक्षा दीवार पुष्पा देवी एवम अन्य के घर के पास वार्ड नंबर 13 दाड़ी हेतु 1.5 लाख मंजूर करवाए हैं। निर्माण रास्ता शूभकरण के घर से गोबिंद के घर की ओर वार्ड न. 2 ग्राम पंचायत सौकनी दा कोट हेतु 2.5 लाख मंजूर किए हैं। निर्माण रसोई घर पखालू नाग देवता के मंदिर के पास ग्राम लुंगटा पंचायत सोकनी दा कोट हेतु 2.5 लाख मंजूर किए हैं। निर्माण सुरक्षा दीवार विजय कुमार एवं हरी राम के घर के पास वार्ड न 3 ग्राम पंचायत टंग नरवाना हेतु 2.5 लाख दिए हैं। निर्माण अंबेडकर महिला मंडल टंग नरवाना के भवन हेतु 2.5 लाख व निर्माण रास्ता नरेश कुमार एवम अन्य के घर के पास ग्राम पंचायत तंगरोटी खास (योल मर्ज क्षेत्र ) हेतु 1.5 लाख मंजूर किए हैं। निर्माण पुली एवं सुरक्षा दीवार किशोरी लाल एवम अन्य की जमीन के पास वार्ड 2 ग्राम पंचायत तंगरोटी हेतु 3.5 लाख किए हैं। निर्माण सुरक्षा दीवार विक्रमा देवी एवम अन्य के घर के पास वार्ड नं 3 ग्राम पंचायत नरवाना खास हेतु 1.5 लाख दिए हैं। निर्माण रास्ता एवं पुली स्वर्णा देवी के घर से लेकर वांवड़ी की ओर, ग्राम पचायत कंद्ररेर हेतु 1.5 लाख मंजूर किए हैं। निर्माण जीप योग्य रास्ता इंटरलॉक टाइल सहित प्रकाश चंद, आशा बीबी व अन्य की घर की ओर वार्ड 3 ग्राम पचायत बगली हेतु 3.5 लाख किए हैं। मरम्मत रास्ता रविंदर कुमार के घर से कपिल नाग व अन्य के घर की ओर वार्ड 05 ग्राम पचायत ढगवार हेतु 1.75 लाख मंजूर किए हैं। निर्माण सुरक्षा दीवार मांझी पुल से निचली मनेड की ओर ग्राम पचायत मनेड हेतु 3.35 लाख व निर्माण सुरक्षा दीवार अक्षय कुमार, छोटू राम, भीमसैन वह अन्य के घरों को वार्ड 03 चेतडू हेतु 2 लाख मंजूर किए हैं। निर्माण रास्ता बलदेव कुमार के घर से कुलदीप कुमार व अन्य के घरों की ओर वार्ड 6 ग्राम पचायत बरवाला हेतु 1.5 लाख दिए हैं। वहीं निर्माण सुरक्षा दीवार घुरलु नाला पुल वार्ड 2 ग्राम पचायत ढगवार हेतु 2.5 लाख व निर्माण रास्ता विकरी कुहल से स्वरूप कुमार व अन्य के घरों की ओर वार्ड 5 ग्राम पंचायत पंतेहड़ पास्सू हेतु 2 लाख स्वीकृत किए हैं। निर्माण रास्ता स्वर्णा देवी की गऊशाला से नीलम देवी के घर की ओर वार्ड 01 ग्राम पँचायत मन्दल हेतु 50 हजार मंजूर करवाए हैं। निर्माण जीप योग्य सडक़ सुरेश के घर से घुरलू नाला की ओर वार्ड 4 ग्राम पंचायत शीला भतेहड़ हेतु 2.5 लाख दिए हैं। निर्माण सुरक्षा दीवार पवन कुमार की जमीन से खोदलू राम की जमीन तक वार्ड 6 ग्राम पंचायत मंदल हेतु 2.5 लाख मंजूर किए हैं। निर्माण रास्ता रक्षा देवी के घर से अन्य के घर की ओर ग्राम पंचायत तंगरोटी खास हेतु 1.40 लाख दिए हैं। निर्माण खेल मैदान ग्राम पंचायत ढगवार हेतु 10 लाख दिए हैं। काम जल्द शुरू होगा। वार्ड न 16 सिद्धपुर में सैक्रेड हार्ट स्कूल चौक , मस्जिद चौक व अन्य के सौंद्रीयकरण हेतु 15 लाख मंजूर किए हैं। वार्ड न 17 सिद्धबाड़ी में अमर शहीद राइफलमैन अमित थापा सेना मेडल गेट निर्माण हेतु 5 लाख दिए हैं। वार्ड न 4 कश्मीर हाउस स्थित फव्वारा चौक के सौंदर्यीकरण हेतु 15 लाख दिए हैं। वार्ड न 13 दाड़ी में अमर शहीद दुर्गामल दल बहादुर स्मृति वाटिका की छत निर्माण हेतु 3 लाख व वार्ड न 7 सैक्रेट्रिएट स्थित केंची मोड़ में व्यूइंग डेक निर्माण हेतु 10 लाख दिए हैं।
विधानसभा क्षेत्र जयसिंहपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत हलेहड में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में लोगों की स्वास्थ्य जांच के लिए स्वास्थ्य खंड थुरल की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसका निरीक्षण करते हुए आयुष युवा सेवा एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने सरकार द्वारा चलाई गई स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में लोगों को अवगत करवाया। इस अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुन जिंदल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. सुशील शर्मा, कार्यकारी खंड चिकित्सा अधिकारी थुरल डॉ. मुनीष राणा, चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य पैरामेडिकल स्टॉफ, आशा वर्कर भी उपस्थित रहीं।
डाडासीबा के गांव उझे खास में जखधार क्रिकेट क्लब ने रविवार को क्रिकेट खेलकुंभ का समापन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री व वर्तमान विधायक बिक्रम ठाकुर व पूर्व में महिला कल्याण बोर्ड सदस्य कमलेश वड़ियालिया, हिमाचली अभिनेता कमल हिमाचली मौजूद रहे। मैच आयोजक ब्लॉक समिति सदस्य करनेल सिंह राणा व क्लब के प्रधान शुभम ने मुख्य अतिथियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान बिक्रम ठाकुर ने सभी टीमों के खिलाड़ियों को खेल भावना व नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। फाइनल में पहुंची स्वाना व कोटला टीम में से कोटला की टीम ने 186 रन का पीछा करते हुए मैच में जीत प्राप्त की और ट्रॉफी अपने नाम की। कोटला के गौरव ठाकुर को मैन ऑफ दमैच दिया गया। वहीं, सभी क्लब सदस्यों ने दर्शकों व खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।
** पिछले एक सप्ताह से थी अस्वस्थ, अब टांडा में ले रही स्वास्थ्य लाभ ** बेटे ने जताया मुख्यमंत्री का आभार, कहा- बचा ली मेरी मां की जान जिला कांगड़ा के अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल से एक अस्वस्थ महिला कपूरी देवी के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज अपना चॉपर भेजकर उन्हें वहां से एयरलिफ्ट करवाया। कपूरी देवी को आज सुबह बड़ा भंगाल से चॉपर के माध्यम से एयरलिफ्ट कर गगल एयरपोर्ट लाया गया, जहां से उन्हें इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज में ले जाकर भर्ती करवा दिया गया है। उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि बड़ा भंगाल की रहने वाली 70 वर्षीय कपूरी देवी पिछले एक सप्ताह से अस्वस्थ थीं। वे भोजन करने व चलने-फिरने में पूरी तरह से असमर्थ थीं। उपायुक्त ने बताया कि स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने शनिवार शाम जिला प्रशासन से संपर्क कर इसकी जानकारी दी और महिला के त्वरित उपचार के लिए सहायता मांगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा इसकी सूचना प्रदेश सरकार को दी गई, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बीमार महिला को वहां से एयरलिफ्ट करने के लिए अपना हेलीकॉप्टर भेजने के निर्देश दिए। बीमार कपूरी देवी और उनके पुत्र को आज सुबह एयरलिफ्ट करने के बाद गगल एयरपोर्ट लाया गया। उन्होंने बताया कि गगल एयरपोर्ट में प्रशासन तैनात एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें सीधा टांडा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां वे स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से एडीएम कांगड़ा रोहित राठौर ने सभी टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर इस अभियान को कुंछ ही घंटों में अंजाम दिया। बेटे ने कहा, सरकार ने बचा ली मेरी मां की जान कपूरी देवी के साथ आए उनके पुत्र जगत राम ने कहा कि उनकी मां का स्वास्थ्य बिगड़ते देख परिवार के लोग बेहद असहाय महसूस कर रहे थे। उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो रहा था और बड़ा भंगाल से नीचे आना हमारे लिए असंभव था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हेलीकॉप्टर भेज कर उनकी मां की जान को बचाया है, जिसके लिए उनका परिवार हमेशा सरकार का आभारी रहेगा। सरकार के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा : प्रधान बड़ा भंगाल के प्रधान मनसा राम ने बताया कि कपूरी देवी का स्वास्थ्य बिगड़ता देख उनका पूरा परिवार और गांव के लोग बहुत चिंता में थे। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों से उन्होंने ठीक से खाना और चलना फिरना भी छोड़ दिया था। स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने शनिवार शाम जिला प्रशासन से संपर्क किया और सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज अपना चॉपर भेजकर कपूरी देवी को एयरलिफ्ट कर लिया। उन्होंने कहा कि सरकार के इस एफर्ट से दूर दराज क्षेत्र बड़ा भंगाल के लोगों का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है।
** कहा, जाखू में हनुमान की मूर्ति की तरह अब राम की भी मूर्ति स्थापित की जाएगी अयोध्या राम मंदिर में 22 जनवरी यानी कल भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होगा। इसको लेकर केंद्र सरकार ने आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य में पूरे दिन के लिए सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। मुख्यमंत्री राम मंदिर शिमला में अखंड ज्योति पाठ के शुभारंभ पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जाखू में हनुमान की मूर्ति की तरह अब श्री राम की भी मूर्ति स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्री राम किसी एक पार्टी के नहीं हैं, वे पूरे देश के आराध्य हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम के आदर्शों को हमें अपने जीवन में अपनाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि सभी लोग कल अपने घर में दीपक जलाएं, वे स्वयं भी दीपक जलाएंगे।
थाना डमटाल पुलिस द्वारा भादरोया में नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। पुलिस ने गुप्त सूचना मिलने पर एक घर में छापेमारी कर 8.62 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक नुरपुर अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि भदरोया में एक घर में अवैध नशे का व्यापार चल रहा है, जिस पर डमटाल पुलिस द्वारा मकान में छापेमारी की गई, जहां से 8.62 चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में गीता नाम की महिला और एव युवक अंकुश कुमार, निवासी गांव भदरोया तहसील इंदौरा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
** विधायक ने पराल स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में नवाजे होनहार विधायक मलेंद्र राजन ने कहा है कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह उद्धगार उन्होंने आज इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पराल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि लोगों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। विधायक ने कहा कि शिक्षा से मनुष्य महान बनता है। बिना शिक्षा के मनुष्य कुछ भी नहीं है। उन्होंने बच्चों से कहा कि उन्हें मेहनत और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और बच्चों के अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी देश और समाज का भविष्य उसकी शिक्षा व्यवस्था पर ही निर्भर करता है और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शैक्षणिक व्यवस्था में व्यापक सुधार करने जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा हर विधानसभा क्षेत्र में मॉडल स्कूल एवं उत्कृष्ट विद्यालय विकसित किए जाएंगे तथा एक-एक डे-बोर्डिंग स्कूल भी खोला जाएगा। इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय कुमार शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस मौके पर विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को 11 हजार रुपये देने तथा स्कूल में चारदीवारी लगवाने की घोषणा की। उन्होंने पराल से बरोटा सड़क पर पुली निर्माण के लिए एक लाख रुपए की राशि देने की भी घोषणा की। इस अवसर पर विधायक ने शैक्षणिक, खेल कूद, सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अजय कुमार शर्मा, मुख्य शिक्षक सतनाम सिंह, जिला परिषद सदस्य प्रवीण कुमार ओबीसी ब्लॉक अध्यक्ष केवल कृष्ण, एसएमसी प्रधान राधा रानी, बकराडवां की प्रधान रानी देवी, बसंतपुर पंचायत प्रधान के कुलदीप, उप प्रधान जोगिंदर सिंह, पूर्व प्रधान तारा चंद, स्कूल के बच्चे, अभिभावक, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित क्षेत्र के अन्य लोग उपस्थित रहे।
जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहुंचे थे, जिस पर पूर्व कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने जसवां परागपुर व डाडासीबा के लिए काफी मांगें उनके समक्ष रखी थीं। इसमें डाडासीबा को पुलिस स्टेशन व बाबा कांशी राम कॉलेज में बीबीए बीसीए की कक्षा शुरू करने व कॉलेज और मिनी सचिवालय की बिल्डिंग के लिए एक-एक करोड़ रुपए की घोषणा हुई। इस पिर डाडासीबा की स्थानीय जनता, जिसमें डाडासीबा व्यापार मंडल के प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा पंचायत प्रधान डाडासीबा के प्रधान परमेश्वरी दास, प्रवीण मेहता, कृष्ण दत्त शर्मा, रितेश शर्मा, गुरमीत सिंह, राकेश कुमार, राजेंद्र सिंह, सूरज सिंह, प्रदीप कुमार व सतीश कुमार इत्यादि ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंदर सिंह मनकोटिया का धन्यवाद सहित आभार व्यक्त किया है।
** ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जसवां-परागपुर ने मुख्यमंत्री का जताया आभार ** महासचिव शिशिर शर्मा बोले, जिंदगी भर नहीं भूलेंगे सीएम का यह उपकार जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र की सब तहसील परागपुर को तहसील का दर्जा देने पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जसवां-परागपुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व सुरिंदर सिंह मनकोटिया का धन्यवाद किया है। शनिवार को मेन बाजार परागपुर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महासचिव शिशिर शर्मा के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए लड्डू बांटे व पटाखे फोड़े। वहीं, शिशिर शर्मा ने बताया कि परागपुर के लोग लंबे समय से यह मांग कर रहे थे, जिसे मुख्यमंत्री ने पूरा कर दिया है। परागपुर वासी उनका यह उपकार जिंदगी भर नहीं भूलेंगे। इस दौरान सुशील कुमार, मोनू पटियाल, शशि गोस्वामी, पाली, श्याम, वरुण पटियाल, नीरज शर्मा इत्यादि इस जश्न में शामिल हुए।
** आयुष, युवा सेवायें एवं खेल मंत्री ने नवाजे हिम स्कूल पहाड़ा के होनहार आयुष, युवा सेवायें एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने हिम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहाड़ा के वार्षिक उत्सव में मुख्यातिथि के रूप शिरकत की और विद्यालय के मेधावियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने छात्रों को वार्षिक उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिये अनुशासन और कड़ी मेहनत को अपना साथी बनाए। उन्होंने अध्यापकों से बच्चों की रुचि तथा प्रतिभा की पहचान कर मार्गदर्शित करने का आह्वान किया। गोमा ने कहा कि शिक्षा पद्धति में सुधार और बच्चों को आधुनिक माध्यमों से शिक्षा उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत 17 हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को टैबलेट उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2050 उत्कृष्ट पाठशालाएं स्थापित करने का निर्णय लिया है और अगले शैक्षणिक शिक्षा सत्र से सरकारी स्कूलों में भी छात्रों को इंग्लिश मीडियम में शिक्षा ग्रहण करने की सुविधा रहेगी। उन्होंने कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना आरंभ कर प्रदेश के पात्र विद्यार्थियों को व्यावसायिक तथा तकनीकी शिक्षा के लिए एक प्रतिशत ब्याज की दर पर ऋण के लिए अधिकतम 20 लाख रुपये तक शैक्षणिक ऋण का प्रावधान किया गया है। उन्होंने विद्यालय में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिये 21 हजार तथा विद्यालय के मैदान के जीर्णोद्धार के लिये धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
** पॉलिसी पर विस्तृत विचार-विमर्श पर दिया जोर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अवधि आधारित अतिथि शिक्षक भर्ती नीति के क्रियान्वयन को अगले आदेशों तक स्थगित करने के निर्देश दिये हैं। सीएम सुक्खू ने भर्ती पर अस्थायी रोक लगाते हुए इस बात पर जोर दिया कि शिक्षा मंत्री के शिमला लौटने के बाद ही इस मामले पर विस्तृत चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि इस नीति को गहन विचार-विमर्श के बाद लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शनिवार को राज्य सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिथि शिक्षक भर्ती अस्थायी है। अतिथि शिक्षकों को अवधि के अनुसार घंटे के आधार पर भुगतान किया जाएगा और मासिक या वार्षिक आधार पर कोई स्थायी भर्ती नहीं होगी।
पुलिस थाना खुंडियां के अंतर्गत देर रात गगन चंद पुत्र जफा राम गांव व डाकघर गलोटी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसने अपने घर के नजदीक माता का मंदिर बनाया है, किन्हीं अज्ञात लोगों ने मंदिर से 6500 रुपये के अलावा सैकड़ों सिक्के चुरा लिए हैं। वहीं, पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई कर सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरी के आरोपी दो व्यक्तियों प्रवीण कुमार व प्रिंस निवासी गांव चीड, डाकघर गलोटी तहसील खुंडियां को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने कहा कि चोरी के मामले में गिरफ्तार किए दोनों आरोपियों को जेएमआईसी कोर्ट देहरा में पेश किया गया, जहां से उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
जयसिंहपुर : केंद्रीय विश्वविद्यालय के धर्मशाला कैंपस के लिए तुरंत राशि जमा करवाए सरकार : मनजीत डोगरा
लगभग डेढ़ दशक पहले हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना हुई थी। हिमाचल प्रदेश से केंद्रीय विश्वविद्यालय में अध्ययन करने की इच्छा रखने वाले शिक्षार्थियों/ शोधकर्ताओं को कांगड़ा में ही अध्ययन करने की बड़ी सुविधा मिली थी। किसान नेता एवं समाज सेवी मनजीत डोगरा ने कहा कि यह बहुत बड़ी विडंबना है कि स्थापना के समय से ही विश्वविद्यालय निर्माण को लेकर राजनीतिक विवाद तथा राजनीतिक खींचातानी होती रही है, जिसके परिणामस्वरूप आज लगभग डेढ़ दशक के पश्चात भी केंद्रीय विश्वविद्यालय के परिसर का निर्माण नहीं हो सका, जिसका खामियाजा शिक्षार्थियों को उठाना पड़ रहा है। निर्माण के लिए प्रदेश सरकार को अपना वित्तीय हिस्सा जमा करने के आदेश केंद्र से हुए हैं, लेकिन बड़े दुख की बात है वर्तमान प्रदेश सरकार भी केंद्रीय विश्वविद्यालय पर राजनीति कर रही है तथा अपने हिस्से के धनराशि को जमा न करवाकर धर्मशाला में विश्वविद्यालय परिसर के निर्माण में रोड़े अटका रही है, जो की दुर्भाग्यपूर्ण है। मंजीत डोगरा ने जिला कांगड़ा मुख्यालय धर्मशाला में जिला की प्रबुद्ध जनता तथा समाजसेवी संस्थाओं द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार 30 करोड़ की धनराशि जो जमा करना अपेक्षित है, तुरंत जमा करवाए।
जिला पुलिस नूरपुर द्वारा नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के अंतर्गत पुलिस थाना इंदौरा द्वारा बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है, जिसमें व्यक्ति से 117.58 ग्राम चरस व 7600 रुपये बरामद किए गए है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि इंदौर पुलिस द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर नशा तस्कर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है, जिसमें लखबीर सिंह पुत्र स्वर्गीय रांझाराम निवासी मडहट कॉलोनी प्रताप नगर पठानकोट (पंजाब) के कब्जे से भुमला में 117.58 ग्राम चरस व 7600 रुपये बरामद किए हैं। व्यक्ति को गिरफ्तार करके उसके खिलाफ अभियोग की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है व आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली 21 जनवरी को मंडी जिला के नाचन के घरोट में 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि भाग लेंगे। सरकारी प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इन कार्यक्रमों में पंचायतीराज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और आम लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है ताकि जनसमस्याओं का निवारण मौके पर ही किया जा सके। आयोजन स्थल से संबंधित पंचायतों में इसी दिन विशेष ग्राम सभा भी आयोजित की जाएगी, जिनमें सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में चर्चा की जाएगी। सरकार की तरफ से जिला स्तर के सभी कार्यालय प्रमुखों को इन कार्यक्रमों में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने तथा विभागीय योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रदर्शनी स्टॉलों में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित संपूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। 'सरकार गांव के द्वारÓ कार्यक्रमों के दौरान स्वास्थ्य विभाग और आयुर्वेद विभाग मैगा स्वास्थ्य कैंप भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें मरीजों के निशुल्क टैस्ट होंगे तथा उन्हें दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
** मुख्यमंत्री ने चामुखा में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी खोलने की घोषणा भी की ** परागपुर के नक्की में की 'सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम' की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला के परागपुर के गांव नक्की में 'सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम' की अध्यक्षता की। लोगों की समस्याएं घर-द्वार पर हल करने तथा उन्हें सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों एवं कार्यक्रमों से लाभान्वित करने के दृष्टिगत प्रदेश सरकार की यह पहल है। मुख्यमंत्री ने 11.32 करोड़ की लागत से बने मंडवारा से करोल वाया चानौरिया बस्ती, बाबा बालोतू मंदिर, सुकर और डाडरी संपर्क मार्ग एवं नलसुहा खड्ड पर बने सेतु मार्ग (कौजवे) तथा लगबलियाना व सेहरी खड्ड पर बनी से परागपुर वाया दंगरासिद्ध सड़क पर निर्मित दो पुलों का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने परागपुर सब तहसील को तहसील बनाने तथा कड़ोहा, चलाली, समनोली पटवार सर्किल को देहरा तहसील से परागपुर के साथ मिलाने की घोषणा की। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रक्कड़ को दोबारा शुरू करने, डाडासीबा कॉलेज के लिए एक करोड़, कोटला कॉलेज के लिए तीन करोड़ तथा रक्कड़ कॉलेज के लिए छह करोड़, संयुक्त कार्यालय भवन डाडासीबा के लिए एक करोड़, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलेटी के लिए 25 लाख, एएचसी सलेटी के लिए 20 लाख, फार्मेसी कॉलेज कूहना में आकदमिक ब्लॉक के लिए दो करोड़, आईटीआई टेरेस के लिए एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पुलिस चौकी डाडासीबा को थाना बनाने, रक्कड़ कॉलेज, कोटला बेहड़ कॉलेज तथा डाडासीबा कॉलेज में बीबीए तथा बीसीए की कक्षाएं शुरू करने, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नलसूना तथा कलोहा में अगले सत्र से साइंस व कॉमर्स कक्षाएं आरंभ करने के साथ-साथ चामुखा में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी खोलने की घोषणा की। उन्होंने प्रागपुर पीएमसीएच का नया भवन के लिए धन उपलब्ध करवाने तथा पठानकोट-चिंतपूर्णी बस सेवा को बहाल करने, टैरेस-शिमला वाया कोटला रात्रि बस सेवा शुरू करने तथा शिमला प्रागपुर बस सेवा को स्यूल खड्ड तक करने की घोषणा भी की। उन्होंने कोटला बेहड़ के तहत सड़कें बनाने को भी उचित धन उपलब्ध करवाने की घोषणा की। पौंग बांध क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 100 करोड़ की योजनाएं प्रस्तावित सीएम सुक्खू ने कहा कि पौंग बांध के साथ लगते एरिया को ईको सेसेंटिव जोन बनाने के मामले पर प्रदेश सरकार लोगों के साथ मजबूती के साथ खड़ी है, ताकि लोगों को किसी भी दिक्कत का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पौंग बांध क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा आने वाले समय में 100 करोड़ की योजनाएं शुरू की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शगुन योजना के तहत 10 लाभार्थियों को 31-31 हजार रुपए की आर्थिक सहायता के चैक भी प्रदान किए। उन्होंने इस अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया। वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र मनकोटिया ने कहा कि बिना केंद्र सरकार की सहायता तथा सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य सरकार ने प्रदेश के आपदा प्रभावितों को 4500 करोड़ का विशेष राहत पैकेज दिया। उन्होंने कहा कि प्रागपुर में भी 84 परिवारों को 3-3 लाख की किश्त जारी की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने आपदा के दौरान सक्षम नेतृत्व प्रदान किया, जिसकी प्रशंसा नीति आयोग तथा विश्व बैंक जैसी संस्थाओं ने की। कांगड़ा जिला को राज्य सरकार ने पर्यटन राजधानी का दर्जा दिया है तथा इससे जिला के साथ-साथ हमीरपुर और ऊना के निवासियों को भी लाभ मिलेगा। प्रधान ग्राम पंचायत परागपुर ने मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के लिए 11 हजार रुपए तथा स्थानीय निवासी रंजना पटियाल ने आपदा राहत कोष में 50 हजार रुपए का चेक मुख्यमंत्री को भेंट किया।
पीएम के आह्वान पर शुरु किया गया तीर्थ स्थल स्वच्छता अभियान 22 जनवरी तक चलेगा। इसी कड़ी में आज जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा पितृ तर्पण परमार्थ गौ सदन बटाहन और आसपास की साफ-सफाई की। मंडल अध्यक्ष देवेंद्र राणा के कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व पूरा देश राममय हो चला है। भगवान ने प्राण प्रतिष्ठा के लिये भक्त भी वही चुना है, जिसकी हर सांस में श्री राम हैं। वहीं, पूर्व विधायक रविंद्र धीमान ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से 14 से 22 जनवरी तक अपने-अपने क्षेत्र में मंदिरों की सफाई करने का आह्वान किया था। इसी कड़ी में पितृ तर्पण परमार्थ गौ सदन में अभियान चलाया गया। रविंद्र धीमान ने प्रदेश की जनता से भी आग्रह किया कि वह भी बढ़-चढ़कर प्रधानमंत्री के इस आह्वान का हिस्सा बने और अपने आसपास के मंदिरों में स्वच्छता के कार्यक्रम करें। इस मौके पर घनश्याम शर्मा, विनोद शर्मा, सतीश राणा,अजय कबीर, जेएम अवस्थी, जितेंद्र राणा, आदर्श सूद, सुमन व्यास, राम सिंह, राज वालिया, धर्म सिंह भूरिया, विजय भाटिया, दीप राज व्यास व अनुराधा शर्मा श्रेष्ठा देवी लीना भारद्वाज मीरा राणा बिना मनहास गांव की मातृशक्ति और सभी राम भक्त मौजूद रहे।


















































