आज राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला प्रागपुर में राष्ट्रीय कैडेट कोर इकाई द्वारा एनसीसी दिवस मनाया गया जो छठी एनसीसी स्वतंत्र कंपनी ऊना द्वारा संचालित है। अपने स्थापना के 75 वर्ष संपूर्ण होने पर एनसीसी द्वारा अपना स्थापना दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया जिसमें कर्नल मस्तान सिंह जसवाल सेवानिवृत्त ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। एनसीसी कैडेट्स ने एनसीसी वर्दी में मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के पूर्व छात्र कर्नल जसवाल को परेड के साथ सलामी दी। अपने विशेष संबोधन में मुख्य अतिथि कर्नल जसवाल ने बच्चों को सफलता के महत्वपूर्ण गुर सिखाए। उन्होंने बच्चों को मैथ और विज्ञान में कड़ी मेहनत करने के बारे और खेलो में रुचि बढ़कर लेने के बारे में प्रेषित किया और साथ में मां-बाप की इज्जत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम का समापन एनसीसी गीत गा कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय प्रधानाचार्य सीमा कौशल ने की। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी विवेक शर्मा उपस्थित रहे l साथ ही समस्त स्टाफ जिसमें भूत पूर्व एनसीसी अधिकारी सुभाष ठाकुर, तरसेम कुमार, कुलदीप कुमार, निशा कुमारी, गीतिका तोमर, रजनीश, नवनीत शर्मा, राजीव कुमार अमन ठाकुर, आशीष पठानिया चंद्रशेखर उपस्थित रहे।
राजकीय महाविद्यालय ज्वाला जी में प्रधानाचार्य डा सुशील कुमार बस्सी के निर्देशन में संविधान दिवस मनाया गया जिसमें ज्वालाजी की बीएलओ ने मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम की संयोजक राजनीति विभाग की अध्यक्षा प्रो हरिप्रिया ने इस पर व्याख्यान प्रस्तुत किया और विद्यार्थियों को संविधान के बारे में जानकारी दी। इस कार्यक्रम में संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) पढ़ी गई व चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता और भाषण प्रतियोगिताएं करवाई गई जिसमे सभी संकाय के छात्रों ने बढ़ चढ़ कर भाग भाग लिया। इस कार्यक्रम में डॉ एसएस रंधावा व समस्त शिक्षक व गैर शिक्षक वर्ग उपस्थित रहे।
इन दिनों केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में यूथ फेस्टिवल(युवमहोत्सव) को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रहीं हैं। जहां वेदव्यास परिसर की नई निदेशक प्रो सत्यम कुमारी ने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु कमर कस ली है वहीं शारीरिक शिक्षा उप निदेशक डा संजय मनकोटिया व युवमहोत्सव संयोजक प्रो मंजूनाथ भट्ट सहित समस्त शिक्षक एवं गैर शिक्षक कर्मचारी सभी पूरी फॉर्म में दिख रहे हैं। वहीं छात्र छात्राएं भी इस यूथ फेस्टिवल के सफल आयोजन हेतु बढ़ चढ़ कर कार्य कर रहे हैं। परिसर का एन. एस. एस. विंग भी इस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु पूरी तरह सक्रिय है। शनिवार के दिन भी एन. एस. एस. छात्र छात्राओं ने एन एस एस संयोजक कवि पंकज के नेतृत्व में परिसर की सफाई व्यवस्था में चार चांद लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। वहीं परिसर के अन्य कर्मचारी भी सफाई व्यवस्था को सुचारू रूप से करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। परिसर निदेशक प्रो सत्यम कुमारी ने बताया कि आगामी 28 नवंबर से आरंभ होने वाले तीन दिवसीय यूथ फेस्टिवल के आयोजन हेतु इन दिनों समस्त शिक्षकों ,गैर शिक्षक कर्मचारियों व छात्र छात्राओं ने कमर कस ली है। निदेशक ने बताया कि परिसर में होने वाला कोई भी आयोजन चाहे वह क्रीडा से संबंधित हो या अन्य शैक्षिक व सांस्कृतिक गतिविधियों से संबंधित हो,टीम वर्क के साथ ही उसका सफल आयोजन संभव है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है ताकि सभी मिलजुल कर काम कर सकें व इस आयोजन को सफल बनाएं। उधर शिक्षा शास्त्री विभाग के अध्यक्ष एवं इस यूथ फेस्टिवल के क्रय समिति संयोजक प्रो शीश राम इन दिनों अपनी टीम के साथ खेल व अन्य शैक्षिक और सांकृतिक कार्यक्रमों से संबंधित समान को एकत्रित करने में जुटे हुए हैं।
जयसिंहपुर: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लंबागांव में नशा निवारण अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें आयुष विभाग की ओर से डॉ गीतिका नें बच्चों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी और बताया कि किस प्रकार नशा हमारे देश की युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने बताया कि बच्चों को नशे से दूर रहना चाहिए और स्वस्थ आदतों को अपनाना चाहिए। कुछ असामाजिक तत्व विद्यालयों में और कालेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को नशे की ओर धकेल रहे हैं और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य व स्टाफ भी उपस्थित रहा।
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के अनुसार आगामी 72 घंटे में मौसम खराब होने का पूर्वानुमान जताया गया है। इस दौरान ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। बर्फबारी का असर तापमान पर भी पड़ेगा। 26 नवंबर की शाम से प्रदेश में तेजी से तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई गई है। बर्फबारी का यह असर किन्नौर, चंबा और कुल्लू जिलों में देखने को मिलेगा। जबकि मैदानी इलाकों में बादल छाये रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान कम विजिविल्टी होने की भी बात कही है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से मौसम करवट बदलेगा और सोमवार को यैलो अलर्ट रहेगा। प्रदेश में 30 नवम्बर तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 26 नवम्बर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जो उत्तर-पश्चिम और पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा और इसका असर हिमाचल में भी देखने को मिलेगा।
आज से शुरू हुआ 2 दिवसीय कबड्डी टूर्नामेंट: भवानी पठानिया फतेहपुर विधायक भवानी सिंह पठानिया द्वारा हर वर्ष युवाओं के लिए कई प्रकार के खेलों के आयोजन करवाएं जाते हैं। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए एक बार फिर विधायक भवानी सिंह पठानिया ने युवाओं के लिए कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया है। इसमें फतेहपुर विधानसभा की 32 युवाओं की टीमें व 4 लड़कियों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। विधायक भवानी सिंह पठानिया द्वारा इसी वर्ष पहले वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन करवाया गया था। कबड्डी टूर्नामेंट 25 व 26 नवंबर को दो दिन करवाया जाएगा । इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए कुछ शर्तें रखी गई है। सभी खिलाड़ी एक ही स्कूल, कॉलेज या संस्था के होने चाहिए। सभी खिलाड़ी फतेहपुर ब्लॉक की 66 पंचायतों के होने चाहिए और ID आधार कार्ड चेक होने की बाद ही खिलाड़ी भाग ले पाएंगे। विधायक भवानी सिंह पठानिया ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी है।
इंदौरा: *हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय वाटर स्पोर्ट्स खेलों का आगाज वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी जिला कांगड़ा हिमाचल प्रदेश द्वारा पौंग डैम में अंतर महाविद्यालीय हिमाचल प्रदेश वाटर स्पोर्ट्स (किनोइंग, काइकिंग) खेलों का शुभारंभ किया गया। अंतर विद्यालीय प्रतियोगिता के मुख्यातिथि डॉ. सुजीत कुमार सरोच रहे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में वाटर स्पोर्ट्स की अंतर महाविद्यालय की काइकिंग और कैनोइंग की प्रतियोगिताएं प्रथम बार हो रही हैं। वाटर स्पोर्ट्स अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता को शुरू करवाने का श्रेय वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी के शारीरिक शिक्षा विभाग को जाता है। शारीरिक शिक्षा विभाग के सहायक आचार्य देवेंद्र सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता को करवाने मुख्य उद्देश्य पोंग डैम व इसके आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से तथा वाटर स्पोर्ट्स की दृष्टि से विकसित करना है और कांगड़ा जिला को पर्यटन जिला बनाने का लक्ष्य रखा है। इसमें एडवेंचर टूरिज्म को प्रमोट करने का लक्ष्य भी रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता दो दिन तक चलेगी इसमें लगभग नौ से दस महाविद्यालय से प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिसमें 90-100 खिलाड़ी लड़के और लड़कियां भाग ले रहे हैं।
जयसिंहपुर: आदित्य ने कांस्य पदक जीतकर महाविद्यालय का नाम किया रोशन कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर ने तीन दिवसीय ताइक्वांडो इंटर कॉलेज प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय से चार छात्र जिसमें दो छात्राएं दिव्या ज्योति व द्वितीय वर्ष व भूमिका बीए प्रथम वर्ष तथा दो छात्र आदित्य बीकॉम तृतीय वर्ष व वीरेंद्र बीकॉम तृतीय वर्ष इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए डॉक्टर इंदर व प्रोफेसर रजनी की अगुवाई में धामी कॉलेज पहुंचे थे। यह प्रतियोगिता 17 नवंबर से 19 नवंबर के बीच आयोजित की गई थी जिसमें लगभग 20 से 22 महाविद्यालयों ने भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में जयसिंहपुर कॉलेज के चारों विद्यार्थियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। इसमें आदित्य बीकॉम तृतीय वर्ष के छात्र ने सोलन कॉलेज तथा डी ए वी पालमपुर से जीतकर कांस्य पदक हासिल करके महाविद्यालय का नाम रोशन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य महोदय डॉ प्रदीप कुमार कौंडल ने सभी को बधाई दी व अगले वर्ष और अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
Jaisinghpur : जिला स्तरीय बाल विज्ञान मेले में रहा रा.व.मा.पा. बालकरूपी ओवर ऑल चैंपियन जिला स्तरीय बाल विज्ञान मेला जो कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शाहपुर में 21 से 23 नवंबर 2023 को सम्पन्न हुआ उसमे क्विज, एक्टिविटी कॉर्नर के अलावा साइंटिफिक मॉडल, साइंटिफिक स्किट तथा साइंटिफिक सर्वे रिपोर्ट हुई। जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालकरूपी के बच्चों, सायना साइंटिफिक मॉडल में प्रथम, कनिका, सौरव, स्नेहा, अमन, सुहानी, अक्षित, शाक्षी, आदित्य और वंशिका साइंटिफिक स्किट में प्रथम, साइंटिफिक सर्वे रिपोर्ट में नितिन जूनियर, कनिका अयान, कुणाल, को-वर्कर, सृजन; को-वर्कर सायना, शिवम सीनियर मे, सीनियर सेकेंडरी से स्नेहा; दीक्षा सायना को-वर्कर के साथ, संचित; अंशिता, शिवम को-वर्कर के साथ, अंशिका; सुरभि, तनुजा को-वर्कर, अपने अपने प्रोजेक्ट में प्रथम रहे । प्रधानाचार्य राजिंद्र कुमार ने बड़े गर्मजोशी के साथ बच्चों के पधारने पर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का स्वागत किया और साथ में गए नरेश शास्त्री का शैली वालिया का बच्चों के साथ में जाने और उनके मार्ग दर्शन के लिए बहुत बधाई दी। इसके साथ सभी विज्ञान सकाये के अध्यापकों को जिसमे जीव विज्ञान प्रवक्ता अरुण, भोतिकविज्ञान प्रवक्ता रिंकल, रसायन प्रवक्ता तिलक राज राणा, मैथमेटिक्स प्रवक्ता मोना सुशील सयाल, विक्रम चंदेल, राजेश राणा, अश्वनी कुमार, अरविंद राणा, पूजा राणा, सुजाता शर्मा, परविंदर रांगड़ा, कामना, पूनम, नीता, निर्मल ठाकुर और निर्मल उपस्थित रहे सभी को बच्चो के पूरे जिला में प्रथम रहने पर बधाई तथा अगामी भविष्य में राज्य स्तर जो एन आई टी (NIT)हमीरपुर में होने जा रहा उसके लिए शुभकामनाएं दी।
प्रदेश सरकार युवाओं को घरद्वार के नजदीक स्वरोजगार के साधन उपलब्ध करवाने के लिये प्रयासरत: मलेंद्र राजन प्रदेश सरकार बेरोजगार युवाओं को घरद्वार के नजदीक स्वरोजगार के बेहतर साधन उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है ताकि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सके। यह बात विधायक मलेंद्र राजन ने आज इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के फल सन्तति एवम प्रदर्शन उद्यान केंद्र, इंदपुर में बागवानी विभाग के सौजन्य से मुख्यमंत्री मधु विकास योजना के अंतर्गत आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए कही। इस शिविर में क्षेत्र के 50 किसानों ने हिस्सा लिया। जिन्हें वैज्ञानिकों द्वारा आधुनिक तरीके से मधुमक्खी पालन के तरीके सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। मलेंद्र राजन ने कहा कि बागवानी विभाग द्वारा मुख्यमंत्री मधु विकास योजना के तहत लोगों को बागानों में मधुमक्खी पालन व्यवसाय से जुड़ने के लिये प्रेरित किया जा रहा है। जिसके तहत राज्य सरकार मधुमक्खी पालन करने के इच्छुक युवाओं को जरूरी प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ 80% अनुदान उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में मुख्यमंत्री मधु विकास योजना रोजगार के लिए कारगर साबित हो रही है। इस योजना के तहत जिला के बागवान लाखों रुपए का मुनाफा घरद्वार पर ही कमा रहे हैं। उन्होंने लोगों से सरकार से अनुदान लेकर इस व्यवसाय से जुड़कर अपना स्वरोजगार शुरू करने का आग्रह किया। मलेंद्र राजन ने विभागीय अधिकारियों से बागवानी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने व समय-समय पर जागरूकता शिविरों का आयोजन करने को कहा ताकि किसानों को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से कृषि व बागवानी बारे नवीनतम जानकारी मिल सके। उन्होंने इस मौके पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले किसानों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किये। इस मौके पर कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ संजीव परमार, बागवानी केंद्र जाच्छ के वैज्ञानिक डॉक्टर राजेश कलेर, एसएमएस डॉक्टर निशा मैहरा, उद्यान विकास अधिकारी इंदौरा जोगिंद्र कुमार, नूरपुर सुरेंद्र राणा,बागवानी विकास अधिकारी डॉक्टर राजेश शर्मा, डॉक्टर संगीता कौशल सहित बड़ी संख्या में किसान व अन्य लोग उपस्थित रहे।
पुलिस थाना ज्वालामुखी के तहत वार्ड नंबर 4 में अज्ञात व्यक्ति द्वारा चंदन के 15 पेड़ काटने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने शिकायतकर्ता राजेश कुमार सपुत्र सुमेर चंद, निवासी राजगढ़ की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इंडियन फॉरेस्ट एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर कारवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता राजेश कुमार सपुत्र सुमेर चंद गांव राजगढ़ ने पुलिस में दर्ज अपनी शिकायत में बताया कि तुलसीराम सपुत्र नीरू राम निवासी वार्ड नंबर 4 ज्वालामुखी जिला काँगड़ा ने उन्हें सूचित किया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जमीन से 15 चंदन के पेड़ काट दिए हैं। उसके अनुसार वह फारेस्ट कर्मचारियों के पास गया और उनके साथ मौके पर पाया कि 15 चंदन के पेड़ तुलसीराम की भूमि से कटे हुए पाए गए है। वहीं उस स्थान पर अलग-अलग साइज के 75 कटे हुए चंदन के टुकड़े भी पड़े थे। वहीं, फॉरेस्ट विभाग के साथ ज्वालामुखी थाना प्रभारी विजय कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने मौके पर जाकर उक्त स्थान का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी ज्वालामुखी विजय कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की पूरी छानबीन कर रही है। जल्द ही इस मामले में जुड़े आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। बताते चलें की वन विभाग की टीम को चन्दन के काटे गए 75 टुकड़ों को काटने में इस्तेमाल किया गया सामान जैसे कि बिना ताड़ के चार आरी, दो कुल्हाड़ी, एक ब्लेड और एक मोर्टार भी मिला है, जिसे वन विभाग की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है।
प्रदेश स्तरीय रिले दौड़ में प्रथम स्थान पर रहने वाली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अवेरी की छात्राओं खुशबू, नेहा, मानसी और खुशबू चौधरी के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया। इसमें बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह बड़े गर्व की बात है कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अवेरी की छात्राओं ने रिले दौड़ में पूरे प्रदेश में प्रािम स्थान प्राप्त किया है और अब ये राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने के लिए महाराष्ट्र जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन खेलों के उत्थान के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल की लत से दूर रहना चाहिए और खेलों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन की तरफ से छात्राओं को 20 हजार रुपये की सम्मान राशि दी। वहीं, व्यवसायी अतुलंदर कटोच की तरफ से एक एक ट्रैक सूट और जूतों की जोड़ी प्रैक्टिस के लिए दी गई। महालक्ष्मी रोलर फ्लोर मिल के मनोज कपूर ने अपनी तरफ से 11 हजार रुपये की सम्मान राशि छात्राओं को दी।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 24 नवंबर को कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में एक दिवसीय प्रवास के दौरान बंडी-रिच्यालु-परगौड़ा तथा लंज-नौशहरा पेयजल योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही जल शक्ति अभियान के तहत मनई शाहपुर की विभिन्न योजनाओं के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास भी करेंगे। उप मुख्यमंत्री 24 नवंबर को प्रात: 11:30 बजे लंज में सत्य साईं सेवा फांउडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित होंगे। इसके उपरांत दोपहर दो बजे मन्नई में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यह जानकारी विधायक केवल सिंह पठानिया ने देते हुए बताया कि उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के एक दिवसीय प्रवास के लिए तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा उनका शाहपुर विस क्षेत्र में भव्य स्वागत किया जाएगा।
-सुबह तीन बजे ही खुल गए मां के मंदिर के कपाट -मां के दरबार में 5 दिन तक अखंड जलते रहेंगे 5 दीये कांगड़ा स्थित प्राचीन जयंती माता मंदिर में आज से पंच भीष्म मेले शुरू हो गए हैं। ये मेले हर साल कार्तिक मास की एकादशी से शुरू होते हैं। मंदिर के कपाट आज सुबह तीन बजे ही खुल गए थे। श्रद्धालु सुबह चार बजे से ही मंदिर पहुंचना शुरू हो गए थे। मां के भक्त माता जयंती के जयकारे लगाते हुए मां के दर्शन कर रहे थे। वहीं, पांच दिवसीय मेले को लेकर कांगड़ा प्रशासन भी काफी मुस्तैद है। मां के दरबार को इस बार भी खूबसूरत ढंग से सजाया गया है। इन मेलों के दौरान 5 दिन तक मां के दरबार में पांच दीये अखंड जलते रहेंगे। पंच भीष्म का महाभारत से है नाता पंच भीष्म का संबंध महाभारत से जुड़ा हुआ है। जब महाभारत का युद्ध खत्म हुआ, तो भीष्म पितामह शरशैया पर लेटे हुए थे। यहीं से उन्होंने पांडवों को पांच दिन तक राजधर्म का उपदेश दिया। इसकी शुरुआत शुक्ल एकादशी को हुई थी और समाप्ती कार्तिक पूर्णिमा के दिन हुई थी। शरशैया पर लेटे हुए भीष्म पितामह ने पांडवों को राजधर्म, मोक्ष, वर्ण आदि धर्मों पर उपदेश दिए थे। इस पर भगवार श्रीकृष्ण ने प्रसन्न होकर इन पांच दिनों को भीष्म पंचक व्रत के नाम से स्थापित किया। साथ ही कहा कि जो भी इस व्रत को करेगा, वह सभी पापों से मुक्त हो जाएगा और मोक्ष की प्राप्ति करेगा। पंच भीष्म के दौरान घर के आंगन में तुलसी माता की पूजा की जाती है। तुलसी के साथ आंवला और गन्ने को रखकर पूजा की जाती है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश भर में होने टेट को लेकर तिथियां घोषित कर दी हैं। बोर्ड के सचिव डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि परीक्षाओं को लेकर प्रदेश भर में बनाए केंद्रों में 26 नवंबर रविवार को सुबह के सत्र में जेबीटी और शाम के सत्र में शास्त्री परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। 27 नवंबर को सुबह के सत्र में टीजीटी नॉन-मेडिकल और शाम के सत्र में भाषा अध्यापकों की टेट परीक्षा होगी। उन्होंने बताया कि परीक्षाओं में भाग लेने वाले परीक्षार्थी बुधवार से ही बोर्ड की बेवसाइट पर आना आवेदन नंबर और जन्म की तिथि अपलोड कर एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। परीक्षा से संबंधित अधिक जानकारी के लिए परीक्षार्थी कार्यालय के फोन नंबर पर भी संपर्क कर सकते हैं।
महाविद्यालय रक्कड़ में रोड सेफ्टी क्लब के द्वारा निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें काफी विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने ड्रिंक और ड्राइव, इलेक्ट्रिक वाहन और पर्यावरण और वाहनों से निकलने वाले धुएं से पर्यावरण कैसे दूषित होता है इन विषय पर निबंध लिखे। इस प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की कुमारी अंजना ने प्रथम, बीए तृतीय वर्ष की सोनाली ठाकुर ने द्वितीय तथा बीए प्रथम वर्ष की श्रेया ने तृतीय स्थान हासिल किया। महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज सूद ने सब प्रतिभागियों की सराहना की तथा विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। इस कार्यक्रम में प्राचार्य पंकज सूद, कार्यक्रम की आयोजक प्रो. शैलजा, प्रो. विकास चंद्र, डॉ. सुषमा कुमारी, डॉ. जसपाल राणा, प्रो. मीना, प्रो. रविंद्र कुमार, प्रो. श्वेता कोहली शामिल रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुम्मर में बुधवार को सात दिवसीय एनएसएस कैंप का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर ग्राम पंचायत गुम्मर प्रधान शिमला देवी ने शिरकत की। स्वयसंवियों को संबोधित करते हुए बच्चों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं, प्रधानाचार्य ने कहा कि यह कैंप सात दिन चलेगा। एनएसएस शिविर में 24 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर स्कूल के एनएसएस प्रभारी शिव राम की देख रेख में बच्चे आगे बढ़ने के गुण एवं कैसे समाज में अपना योगदान दिया जाता है सीख रहे हैं।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के तत्वावधान में कांगड़ा जिले की देहरा तहसील के गांव बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में 28 नवंबर से उत्तर क्षेत्रीय युवामहोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। जानकारी देते हुए वेदव्यास परिसर की निदेशिका प्रो. सत्यम कुमारी एवं युवमहोत्सव के संयोजक प्रो मंजूनाथ भट्ट ने बताया कि उक्त आयोजन वेदव्यास परिसर में तीन दिनों के लिए किया जाएगा, जिसमें उत्तर भारत के कुल 8 महाविद्यालय भाग लेंगे। युवामहोत्सव में हिमाचल के वेदव्यास परिसर सहित जम्मू व उत्तराखंड के देवप्रयाग परिसर और चार आदर्श महाविद्यालय व एक कटरा स्थित महाविद्यालय शामिल होंगे। इन्होंने बताया कि इस युवमहोत्सव में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ साथ विभिन्न शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। 28 नवंबर को होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान महर्षि पाणिनी संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वजयाकुमार सी. बतौर मुख्यतिथि शिरकत करेंगे।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन इंदौरा में बीएड के प्रथम वर्ष नवीन विद्यार्थियों के लिए वर्ष 2023-24 का ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मुख्यत: विद्यार्थियों को कॉलेज की समस्त गतिविधियों, संरचनाओ व पाठ्यक्रम से अवगत कराने के लिए आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. नीतू महाजन ने किया। उन्होंने छात्रों को प्रशिक्षण के दौरान 2 वर्ष तक चलने वाली विभिन्न शैक्षिक सांस्कृतिक, सामुदायिक, गतिविधियों के विषय में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने नवीन छात्र/छात्राओं को संबोधित करते हुए महाविद्यालय से संबंधित समस्त जानकारी साझा की व उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडासीबा में बुधवार को सात दिवसीय एनएसएस कैंप का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर सेवानिवृत्त प्रवक्ता सुभाष चंद शर्मा ने शिरकत की। स्वयसंवियों को संबोधित करते हुए स्कूल प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार ने कहा कि शिक्षा अनमोल है, शिक्षा के बिना विद्यार्थी का जीवन अधूरा है। शिक्षा से ही विद्यार्थी सफलता के शिखर पर पहुंचता है। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह कैंप सात दिन चलेगा। एनएसएस शिविर में 50 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर स्कूल के एनएसएस प्रभारी अश्वनी सपेहिया, पीओ मैडम सरोज कुमारी, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य पवन शर्मा, पूर्व उप प्रधानाचार्य केशव सिंह ठाकुर, एसएमसी प्रधान नीलम चौधरी, कमेटी सदस्य व स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।
राजीव गांधी राजकीय स्नातकोत्तर आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय पपरोला में मंगलवार को हिमालय वैलनेस कंपनी के सौजन्य से क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ कार्यवाहक प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. अश्वनी उपाध्याय ने भगवान धन्वंतरि के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर प्रोफेसर अंजना मिश्रा विभागाध्यक्ष काय चिकित्सा विभाग एवं अध्यक्ष स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन कमेटी भी मौके पर मौजूद रहीं। प्रतियोगिता में बीएएमएस फाइनल ईयर के विद्यार्थियों के साथ-साथ चिकित्सालय में इंटर्नशिप कर रहे स्टूडेंट्स ने भाग लिया। प्रतियोगिता की शुरुआत में सभी प्रतिभागियों ने एक ऑनलाइन लिंक के द्वारा प्रारंभिक प्रतियोगिता में भाग लिया। जिसके 10 अव्वल रहने वाले छात्रों को लेकर अंतत: पांच टीमें बनाई गईं, जिनमें दो-दो प्रतिभागी थे। प्रतियोगिता में इवकेयर सुपरनोवा टीम अव्वल रही, जिसमें सुकृति और अतुल थे। प्रतियोगिता के अंत में पारितोषिक वितरण समारोह हुआ। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को आयुर्विशारदा अवार्ड एवं 15,000 रुपये पारितोषिक दिया गया। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को जीविका अवार्ड तथा 10,000 रुपये पारितोषिक में दिये गये। साथ ही साथ आडिटोरियम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को मेडिकल किट प्रदान किये गए। कार्यक्रम का संचालन काय चिकित्सा विभाग में कार्यरत आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. गीतिका धर्मानी ने किया। गौरतलब है कि हिमालय वैलनेस कंपनी हर साल आयुर्वैदिक महाविद्यालय पपरोला में क्विज प्रतियोगिता करवाती है। कोरोना महामारी की वजह से पिछले साल का पारितोषिक नहीं हो पाया था उन प्रतिभागियों को भी इस वर्ष पारितोषिक दिया गया है। जिसमें आयुर्विशारदा अवॉर्ड तनुजा कंवर और जीविका अवार्ड देवांशी शर्मा के नाम रहा था।हिमालय वेलनेस कंपनी की तरफ से डॉक्टर एलिसा (मैनेजर साइंटिफिक सर्विसेज) सुमित नाग( बिजनेस मैनेजर) ईशान चौहान (रीजनल मैनेजर) उपस्थित रहे।
-कहा, सड़क सुरक्षा नियमों की सख्ती से अनुपालना हो सुनिश्चित -सड़क सुरक्षा तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में युवाओं को करें जागरूक लोकसभा सांसद किशन कपूर ने कहा कि जिला में सड़क सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन किया जाए, ताकि प्रतिदिन जिला में होने वाली दुर्घटनाओं को और कम किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों से युवा पीढ़ी को सड़क सुरक्षा तथा नशे की बुराइयों के बारे में जागरूक करने हेतु विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। मंगलवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद किशन कपूर ने कहा कि भारत में ही प्रतिवर्ष सड़क हादसों के कारण डेढ़ लाख के करीब लोग जान गंवाते हैं जिनमें 18 से 45 वर्ष आयुवर्ग के ज्यादा लोग सड़क हादसों के शिकार होते हैं। किशन कपूर ने कहा कि सड़क हादसों को रोकने के लिए जागरूकता जरूरी है इसलिए नियमित तौर पर चालकों के आंखों के चेकअप कैंप, ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था के साथ युवक मंडलों को यातायात नियमों की जानकारी देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ओवर स्पीड की पूरी तरह से निगरानी की जाए। पंपलेंट्स के माध्यम से सरकारी तथा निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को भी यातायात नियमों के बारे में अवगत करवाया जाए। सांसद किशन कपूर ने कहा कि सड़कों पर यातायात से संबंधित साइन बोर्ड भी जगह-जगह प्रदर्शित किए जाएं इस के साथ दुर्घटना संभावित जगहों की शिनाख्त कर वहां पर भी साइन बोर्ड लगाए जाएं, ताकि किसी भी स्तर पर दुर्घटनाओं की आशंका नहीं रहे। सांसद किशन कपूर ने कहा कि विभिन्न जगहों पर धर्मशाला की तर्ज पर इंटेलिजेंस ट्रैफिक सिस्टम विकसित किया जाए, ताकि सड़क से गुजरने वाले वाहनों की पूरी निगरानी की जा सके और अवेहलना करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जा सके। उन्होंने कहा कि एमर्सजेंसी हेल्थ केयर यूनिट भी जिला में विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए जाएं ताकि हादसों में घायल होने वालों को तुरंत उपचार की सुविधा मिल सके। 'गुड स्मार्टियन योजना' की आम जनमानस को दें जानकारी सांसद किशन कपूर ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता के लिए लोगों को प्रेरित करने के उद्देश्य से 'गुड स्मार्टियंसÓ नामक योजना आरंभ की गई है। इसमें सड़क दुर्घटना में पीड़ित को हादसे के तुरंत बाद शुरुआती एक घंटे के भीतर 'गोल्डन आवर' में अस्पताल पहुंचा कर उसकी जान बचाने का प्रयास करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र तथा 5000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की इस योजना का मकसद लोगों को सड़क हादसों में घायलों की मदद करने और दुर्घटना में मृत्यु के मामलों में कमी लाना है। उन्होंने कहा कि इस योजना का व्यापक प्रचार प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि आम जनमानस को इस बारे में जानकारी मिल सके और सड़क हादसों के घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा में मंगलवार को बीएड के नए सत्र का आगाज हवन आहुतियों व मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। इस कार्यक्रम में शिक्षण राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मोहटली से विजय कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कॉलेज प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार द्वारा मुख्य अतिथि व कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों का समस्त मिनर्वा परिवार की ओर से स्वागत किया गया। डॉ. प्रशांत द्वारा नए सत्र के विद्यार्थियों को महाविद्यालय के अनुशासन प्रणाली से अवगत कराया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने नए सत्र में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, कॉलेज प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जरनैल सिंह पटियाल और प्रबंधक कमेटी की महासचिव कमलेश पटियाल व प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार द्वारा मुख्य अतिथि को शॉल व स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा बलजीत ठाकुर ने बताया कि बाल विकास परियोजना देहरा के अधीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के दो और सहायिका के 10 पद भरे जाने हैं। ग्राम पंचायत मझीण के मझीण तथा मझीण के दबकेहड़ मेंआंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद भरे जाने हैं। वहीं ग्राम पंचायत मझीण के दबकेहड़, टिप्परी के डुहक, कमलोटा के कमलोटा, हडोली के बाह, बदोली के डोल, खुंडिया के अंबाडा, सिहोरपाई के बन चल्लियां , जाखोटा के वोहल जागीर, अलुहा के भौंरन एवं थिल के थिल केंद्रों में सहायिका के पद भरे जाएंगे। इस संदर्भ में छंटनी परीक्षा का आयोजन 24 नवंबर को उपमंडल अधिकारी ज्वालाजी के कार्यालय में निर्धारित किया गया था, परंतु प्रशासनिक कारणों हेतु अब छंटनी परीक्षा को आगामी आदेशों तक स्थगित किया गया है।
-कई आरोपी विदेश भाग चुके, कई भागने की फिराक में हिमाचल में करोड़ों रुपये के क्रिप्टो करेंसी फ्रॉड में एसआईटी ने 19 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की है। हालांकि 2500 करोड़ की ठगी के इस मामले में 19 करोड़ की संपत्ति बहुत कम है। वहीं, एसआईटी आरोपियों की संपत्ति का पता लगा रही है, लेकिन धीमी कार्रवाई के चलते कई आरोपी विदेश भागने की फिराक में हैं। क्रिप्टो करेंसी ठगी मामले से जुड़े कई आरोपी विदेश भाग चुके हैं। ठगी मामले में पंजाब और हिमाचल प्रदेश पुलिस की टीमें कार्रवाई कर रही है। करोड़ों के इस क्रिप्टो करंसी ठगी मामले में कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने पैसा लगाया है। बताया जा रहा है कि इस रैकेट के सरगनाओं ने सबसे पहले नेताओं और बड़े अधिकारियों को ही जाल में फंसाया। उसके बाद धीरे-धीरे ठगों की चेन बढ़ती गई। करोड़ों के इस ठगी मामले में कई पुलिस कर्मी भी शामिल बताए जा रहे है। शातिरों ने प्रदेश में करीब एक लाख से अधिक लोगों को ठगा है। एसआईटी की कार्रवाई के बाद प्रदेश में क्रिप्टो करंसी ठगी की शिकायतें लगातार बढ़ती जा रही है। ठगी मामले की राशि का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। क्रिप्टो रैकेट में शातिरों ने करीब अढ़ाई लाख आईडी बनाकर क्रिप्टो करेंसी के नाम पर प्रदेश की जनता को करोड़ों का चूना लगाया है। क्रिप्टो करेंसी ठगी मामले में एसआईटी ने अभी तक चार पुलिस कर्मियों सहित 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। ठगों ने हिमाचल के अलावा बाहरी राज्यों में भी बनाई संपत्ति क्रिप्टो करेंसी के नाम पर ठगी के इस स्कैम में करीब एक लाख लोग शामिल बताए जा रहे हंै। बताया जा रहा है कि अब तक की जांच में करीब 2500 करोड़ की ट्रांजेक्शन मिली है। बताया जा रहा है कि लोगों से करोड़ों रुपए ठगने वाले शातिरों ने हिमाचल के अलावा बाहरी राज्यों में भी संपत्ति बनाई है। ठगी मामले में कई अहम साक्षय एसआईटी के हाथ लगे है। फर्जी वेबसाइट से बनाया शिकार शातिरों ने वेबसाइट बनाकर लोगों को फर्जी कॉईन के नाम पर करोड़ों की ठगी को अंजाम दिया है। शातिरों ने कोर्वियो कॉइन, डीजीटी कॉइन, फिश टोकन हाइपनेक्सट, बिटपेड एक, बिटवेड दो और एडड फाइनांस कॉइन के झांसे में फंसाकर लोगों को ठगा है। क्रिप्टो करंसी ठगी मामले में पंजाब और हिमाचल प्रदेश पुलिस की टीमें कार्रवाई कर रही हैं। करोड़ों के इस क्रिप्टो करंसी ठगी मामले में कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने पैसा लगाया है। एसआईटी क्रिप्टो करेंसी के सभी मास्टरमाइंड की प्रॉपर्टी की मैपिंग कर रही है।
-कर्मचारी महासंघ के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस समारोह में की शिरकत पर्यटन निगम के अध्यक्ष केबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि वर्तमान सरकार कर्मचारी हितैषी सरकार है तथा कर्मचारियों के हितों को सर्वोपरि मानते हुए निर्णय लिए जा रहे हैं। राज्य में नई सरकार के गठन के एक महीने के भीतर ही सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। इससे करीब एक लाख 36 हजार कर्मचारी लाभांवित होंगे। सोमवार को टांडा मेडिकल कालेज के सभागार में अराजपत्रित महासंघ के स्थापना दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बतौर पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि एनपीएस के तहत कर्मचारियों की भारत सरकार के पास 8000 करोड़ की राशि पड़ी है उसे प्रदेश को लौटाने के लिए मंत्रीमंडल द्वारा प्रस्ताव पारित किया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के विकास में कर्मचारियों का अमूल्य योगदान रहा है तथा कर्मचारी किसी भी सरकार की रीढ़ की हड्डी होते हैं उनकी समस्याओं का त्वरित निदान सुनिश्चित करने के कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम आज के समय की वास्तविकताओं को समझते हुए आने वाली परिस्थितियों के लिए विकास की अवधारणा को बदलना होगा और हिमाचल में शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल और अन्य क्षेत्रों में राष्ट्रीय मानकों के आधार पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करना जरूरी है इसमें कर्मचारी रचनात्मक भूमिका निभा सकते हैं ताकि हिमाचल देश भर में विकास की दृष्टि से अव्वल साबित हो सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अपने सभी वायदे पूरे करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है तथा आम जनमानस की समस्याओं को दूर करने के लिए तत्परता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को भी चरणबद्व तरीके से पूर्ण किया जाएगा ताकि कर्मचारी लाभांवित हो सकें। इस अवसर पर आरएस बाली ने धर्मशाला कर्मचारी कल्याण भवन की मरम्मत के लिए दो लाख, कांगड़ा कर्मचारी कल्याण भवन की मरम्मत के लिए एक लाख ऐच्छिक निधी से देने की स्वीकृति प्रदान की जबकि नगरोटा बगबां के टांडा में कर्मचारी कल्याण भवन की मरम्मत के लिए अपनी ओर से एक लाख की राशि स्वीकृत की गई। इससे पहले अराजपत्रित महासंघ के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए ओपीएस बहाल के लिए आभार व्यक्त किया तथा कर्मचारियों की समस्याओं से भी अवगत करवाया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, एनजीओ के पूर्व अध्यक्ष एसएस जोगटा, टांडा मेडीकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. भानु अवस्थी, कांग्रेस कमेटी के सदस्य, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष सौरव वैध, उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, महासचिव भरत शर्मा, सभी जिलों के अध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में महत्वपूर्ण विकासात्मक कार्यों के साथ-साथ लोगों को घर द्वार पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार कार्य कर रही है। विधानसभा क्षेत्र शाहपुर की पंचायत ठारु के गांव टुंडु में जनता को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया ने यह बात कही। विधायक बनने के पश्चात पहली दफा ठारु पहुंचने पर लोगों ने केवल सिंह पठानिया का बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया। केवल सिंह पठानिया ने अप्रतिम विजय के लिए स्थानीय लोगों का अभिवादन करते हुए अपनी कृतज्ञता ज्ञापित की। उन्होंने कहा कि शाहपुर की जनता ने अपने सेवक को चुनकर विधानसभा भेजा है और एक निष्ठावान सेवक के रूप में वे दिन-रात क्षेत्र की भलाई और कल्याण के लिए कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने इस दौरान टुंडु गांव की जनता की मांगों पर मोहर लगाकर उन्हें पूरा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि ललेटा ओर टुंडु के गाँवो के लिए सड़क के साथ दो पुल बना कर इन्हें जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि ललेटा- बनु महादेव सड़क को भी जल्द बनाया जाएगा। केवल पठानिया ने टूंडु में एक बड़ा सामुदायिक भवन बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि यहां युवाओं के जिम खोला जाएगा तथा मट्ट में एक मोक्ष धाम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि टुंडु में पानी की समस्या को दूर करने के लिए ओवरहेड टैंक बनाया जाएगा तथा यहां जल की समस्या को दूर करने के लिये पानी की स्कीम को ठीक किया जाएगा व हैंडपंप स्थापित किया जाएगा। उन्होंने एकता महिला मंडल के लिए 21000 देने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता की मांग पर राजकीय पाठशाला ठाठरु का नाम बदल कर ठारू किया जाएगा। उन्होंने विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों को बिजली की समस्या को दूर करने के निर्देश देते हुए बिजली की लाइनों की मरम्मत करने की बात कही। केंद्र सरकार पर बोला हमला विधायक पठानिया ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि आज केंद्र की जन विरोधी नीतियों से जनता तंग आ चुकी है। उन्होंने कहा कि पूर्व की केंद्र की कांग्रेस सरकार ने गांव की जनता को रोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मनरेगा की शुरुआत की थी। लेकिन आज की केंद्र सरकार ने मनरेगा में बजट कटौती करके उसे अपंग बना दिया है। इस मौके पर ब्लॉक् काँग्रेस अध्यक्ष काँगड़ा नागेश्वर मनकोटिया, उप प्रधान सुरिन्दर ठाकुर, रोशन लाल जम्वाल, करनैल गुलेरिया, बलदेव सिंह, रणधीर सिंह गुलेरिया, विशाल जम्वाल, महिंदर सिंह, परसराम शर्मा, विजय ठाकुर, वीर सिंह, जोगिंदर सिंह, संजीव कपुर, आशीष राणा, पंकज कुमार, महिला मंडल प्रधान उषा गुलेरिया, मीनाक्षी देवी, कर्ण सिंह रिटायर प्रिंसीपल नागदेव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
बाबा कांशी राम राजकीय महाविद्यालय डाडासीबा के सड़क सुरक्षा क्लब द्वारा आज जीवन रक्षा में वाहनों के सुरक्षित परिचालन के महत्व विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. जतिंदर कुमार की अध्यक्षता में रोड सेफ्टी क्लब की नोडल अधिकारी प्रो पलक सिंह के दिशा निर्देशन में आयोजित की गई। इसका उद्देश्य सड़क यात्रा को सुरक्षित बनाने हेतु निर्धारित किए गए नियमो का अनिवार्य रूप से पालन, सुरक्षित सफर ब दुर्घटनाओं पर रोकथाम हेतु संयुक्त सामाजिक भागीदारी के प्रति जागरुकता लाना रहा। इस प्रतिस्पर्धा में कुल 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
हिमालय उन्नति मिशन-श्रीश्री ग्रामीण विकास कार्यक्रम ट्रस्ट, श्नाइडर इलेक्ट्रिक एवं इरा संस्था ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत हेतु ग्राम पंचायत डोला खरियाना के 120 आपदा प्रभावित परिवारों को सोलर कैंपिंग लाइट वितरित कीं। इस मौके पर डोला खरियाना की प्रधान ललिता चौहान विशेष तौर पर उपस्थित रहीं। इरा निदेशक प्रदीप शर्मा ने आपदा जोखिम न्यूनीकरण विषय पर चर्चा करते हुए बताया कि मनुष्य की छोटी -छोटी गलतियों का कई बार भयंकर परिणाम भुगतना पड़ता हैं। सभी गांववासियों को मिलजुल कर गांव की प्रबंध व्यवस्था के विषय में निर्णय लेने अति आवश्यक है। गांव की साफ-सफाई पानी निकासी का विशेष ध्यान रखना चाहिए। वितरण के समय सतीश कुमार ने आपदा प्रभावित लोगों के चयन के विषय में विस्तारपूर्वक चर्चा की और साथ ही सोलर लाइट को चार्ज करने व ऑपरेट करने की तकनीक साझा की। निदेशक सरकारी कार्यकारी कार्यक्रम-हिमाचल प्रदेश (आर्ट ऑफ लिविंग) अभय शर्मा जी ने आपदा के समय मनुष्य की मानसिक स्थिति को योगा एवं मेडिटेशन के जरिए सुधारने की तकनीकों के बारे में चर्चा की और बताया कैसे एक साधारण मनुष्य लोम-विलोम करके, एकाग्र एवं शांत मन से ऐसी आपदा पूर्ण परिस्थितियों से उभर सकता है। साथ ही उन्होंने योग करने का अभ्यास कराया। इस मौके पर हिमालय उन्नति मिशन प्रतिनिधि पूनम जी भी उपस्थित रही। प्रधान ग्राम पंचायत ललिता चौहान ने हिमालय उन्नति मिशन, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, आर्ट ऑफ लिविंग एवं एरा संस्था का इस संकट की समय में सहयोग करने के लिए आभार व्यक्त किया।
-कम ऊंचाई वाले ट्रैकिंग रूट के लिए भी लेनी होगी पूर्व अनुमति कांगड़ा जिले में 3 हजार मीटर से ऊपर की सभी ट्रैकिंग गतिविधियों को आगामी आदेश तक पूर्णतया प्रतिबंधित कर दिया गया है। जिलाधीश कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने इसकी अनुपालना को लेकर आज एक आदेश जारी किया है। उन्होंने शरद ऋतु को देखते हुए जिले में ट्रैकिंग गतिविधियों को लेकर विशेष हिदायतें भी जारी की हैं। एसपी ऑफिस से लेनी होगी पूर्व अनुमति आदेश के मुताबिक करेरी, त्रिउंड और आदि हिमानी चामुंडा मार्गों पर ट्रैकिंग की अनुमति के लिए पुलिस अधीक्षक, कांगड़ा के कार्यालय से पूर्व अनुमति के प्राप्त करना अनिवार्य होगा। इसके कार्यान्वयन के लिए पुलिस अधीक्षक, कांगड़ा से कार्यालय में पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मी तैनात करने को कहा गया है। उनसे यह भी आग्रह किया गया है कि पुलिस कर्मी उपरोक्त मार्गों पर अनुमति देते हुए आईएमडी शिमला द्वारा जारी मौसम के पूर्वानुमान को अवश्य ध्यान में रखें। धौलाधार के समीप नहीं कर पाएंगे पैराग्लाइडिंग आदेश में पैराग्लाइडिंग करने वाले पायलट्स को भी धौलाधार के समीप उड़ान न भरने को कहा गया है। आदेश में यह भी कहा गया है कि आईएमडी शिमला द्वारा चेतावनी अथवा अलर्ट जारी किए जाने पर ट्रैकिंग मार्गों (करेरी, त्रिउंड, आदि हिमानी चामुंडा) के लिए प्रदान की गई सभी पूर्व अनुमति रद्द मानी जाएंगी। बचाव दलों को होगी छूट हालांकि आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पर्वतारोहण केंद्र मैक्लोडगंज और पुलिस के खोज और बचाव दलों को उक्त निर्देश में छूट दी जाएगी। पर्यटकों को दें जानकारी डॉ. निपुण जिंदल ने जिला पर्यटन अधिकारी को कांगड़ा जिले के पर्यटन व्यवसाय से जुड़े समस्त हितधारकों को उनके वहां ठहरने वाले सभी पर्यटकों को ट्रैकिंग गतिविधियों की पाबंदियों से अवगत कराने के निर्देश देने को कहा है। उन्हें उल्लंघन करने पर जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए दंडात्मक प्रावधानों के बारे में बताने को भी कहा गया है। उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति पर आईपीसी की धारा 188 तथा आपदा प्रबंधन एक्ट 2005 की धारा 51 से 60 के तहत कार्रवाई की जाएगी। यह हिदायतें आगामी आदेश तक लागू रहेंगी।
राज्य कर एवं आबकारी विभाग राजस्व जिला नूरपुर द्वारा विभाग के 55वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में वस्तु एवं सेवा कर संबंधी प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राजस्व जिला नूरपुर के अधीन महाविद्यालय की टीमों ने भाग लिया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय ज्वाली की टीम प्रथम, राजकीय महाविद्यालय इंदौरा की टीम द्वितीय, के महाविद्यालय सुघ भटोली की टीम तृतीय स्थान पर रही। उपायुक्त राज्य एवं आबकारी राजस्व जिला नूरपुर टीकम ठाकुर द्वारा विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप 5000, 4000, 3000 रुपये इनाम स्वरूप भेंट किए गए। इसके बाद उपायुक्त ने महाविद्यालय इंदौरा के प्राचार्य व विद्यार्थियों से वस्तु एवं सेवा कर के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने की अपील की।
शाहपुर उप मंडल के अंतर्गत भनाला से रूलेहड़ रोड के मरम्मत कार्य के चलते यह मार्ग 1 दिसम्बर से 31 दिसंबर तक हर प्रकार के यातायात के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेगा। इस दौरान गाड़ियों की आवाजाही के लिए बोह (रूलेहड़) से द्रमनाला वाया लाम तथा धुलारा मार्ग का उपयोग किया जाएगा। जिलाधीश कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी है।
विद्युत उप मंडल ढलियारा के अंतर्गत आने वाले बिजली उपभोक्ताओं से विभाग ने अनुरोध किया है कि जिन उपभोक्ताओं ने तय तिथि तक बिजली के बिलों का भुगतान नहीं किया है, वे सभी उपभोक्ता 25 नवंबर तक अपने बिजली के बिलों का भुगतान उपमंडल ढलियारा या बिजली बोर्ड की ऑनलाइन साइट के माध्यम से कर दें, अन्यथा डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली के कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना के अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगेे। यह सूचना सहायक अभियंता विद्युत उप मंडल ढलिआरा ई. मनीष कुमार संधू ने दी।
-सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस -शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेजा -पंजाब के दशमेश चंद्र शर्मा के रूप में हुई मृतक की पहचान रेलवे स्टेशन कंदरोड़ी में आज सुबह अधेड़ उम्र के व्यक्ति का शव मिला है। स्थानीय लोगों ने जब रेलवे स्टेशन पर व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़े देखा तो तुरंत इसकी सूचना रेलवे पुलिस चौकी कंदरोड़ी को दी। वहीं, सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी विक्रमजीत व आरपीएफ पठानकोट अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और मृत व्यक्ति के परिवार वालों को इस बारे में सूचना दी। पुलिस द्वारा सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल नूरपुर भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मृतक की पहचान दशमेश चंद्र शर्मा पुत्र सोम दत्त शर्मा, गांव छोटा बाजार बंगाला, पंजाब के रूप में हुई है।
शिक्षा में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के उपयोग और गुणवत्ता सुधारने के लिए राज्य के 762 स्कूलों में आवश्यक हार्डवेयर तथा साफ्टवेयर उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधा मिल सके। यह बात हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऐरला के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि अपने संबोधन में कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लाइब्रेरी रूमस स्थापित किए जाएंगे इसके साथ ही दस हजार मेधावी छात्रों को टेबलेट्स दिए जाएंगे। आरएस बाली ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य ध्येय वर्तमान शैक्षणिक संस्थानों के आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना है जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा सके। उन्होंने छात्रों से विद्यार्थी जीवन का आनन्द लेने के साथ-साथ जीवन में निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए परिश्रम करने का आह्वान भी किया। आरएस बाली ने 5 लाख रुपए विद्यालय के शौचालय व खेल मैदान की टाइलिंग के लिए व 15 लाख रुपए की लागत से एरला में खेल मैदान बनाने की घोषणा की जिसमें ओपन जिम भी होगा। उन्होने विद्यालय के लिए दो स्मार्ट क्लास रूम, 5 कंप्यूटर देने की भी घोषणा की। इस अवसर पर शैक्षणिक व अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
रक्कड़ (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से राज्य पात्रता परीक्षा हेतु योग्य अभ्यर्थियों के आवेदन मांगे गए थे। वहीं हिमाचल प्रदेश स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट (HP State Eligibility Test) के लिए आवेदन की प्रक्रिया 17 नवंबर को समाप्त हो गई है, लेकिन अभ्यर्थियों कि मानें तो ऑफिशियल वेबसाइट सर्वर डाउन होने के कारण आवेदन करने से कई अभ्यर्थी अभी भी वंचित रह गए हैं। इसके लिए सुरेश, सतीश, अंजना, इंदु आदि अभ्यार्थियों ने राज्य लोक सेवा आयोग से आवेदन करने की तारीख दो दिन बढ़ाने की मांग की है।
प्राचीन शिव मंदिर सुधार द्वारा मंदिर परिसर में मास्टर लेख राज पठानिया मेमोरियल 9वीं खेल कूद प्रतियोगिता का सभा के प्रधान ओम प्रकाश कटोच ने शुभारम्भ किया। इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश, पंजाब व अन्य राज्यों से खिलाड़ी भाग ले रहे है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने पर 35000, दूसरे स्थान पर 27000 जबकि तीसरा स्थान हासिल करने पर 20000 रूपये नगद राशि दिए जाएंगे। इसके अलावा चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 15000 रुपए दिए जायेंगे। इस अवसर पर सभा के कार्यालय सचिव जोगिंदर पाल भारद्वाज, सचिव गणेश दत्त शर्मा, प्रेस सचिव सुरिंद्र शर्मा, संगठन सचिव रमेश पठानिया प्रचार सचिव पवन शर्मा उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के उददेश्य से राज्य के सभी महाविद्यालयों में वर्ष में दो बार रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे तथा स्पेशल प्लेसमेंट ड्राइव भी चलाई जाएगी। शनिवार को नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय बड़ोह के महाविद्यालय केंद्रीय छात्र संघ के वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम स्वर लहरी में बतौर मुख्यातिथि पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को उनके घर-द्वार पर बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में वोकेशनल शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी तथा पाठ्यक्रम की समीक्षा की जा रही है ताकि रोजगार आधारित नवीनतम कोर्स आरंभ किए जा सकें। आरएस बाली ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ- साथ अन्य गतिविधियों में भाग लेने का आह्वाहन किया ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि परिश्रम तथा अनुशासन ही सफलता की कुंजी है तथा विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए परिश्रम और अनुशासन को जीवन में आत्मसात करना चाहिए। आरएस बाली ने बड़ोह महाविद्यालय की वेबसाइट का भी शुभारंभ भी किया। उन्होंने खेल के मैदान के लिए 15 लाख रुपए देने की घोषणा की व मैदान के साथ बाउंड्री वॉल लगाने की भी घोषणा की। आरएस बाली ने महाविद्यालय के लिए तीन स्मार्ट क्लासरूम, एक वर्चुअल क्लासरूम, 10 कंप्यूटर व 10 बेंच देने की भी घोषणा की। उन्होंने महाविद्यालय के छात्रों के लिए बैडमिंटन, वॉलीबॉल और क्रिकेट की तीन-तीन किट्स देने की भी घोषणा की। आरएस बाली ने नगरोटा से चंडीगड बाया कंडी, बड़ोह रूट पर बंद पड़ी एचआरटीसी की बस को सोमवार से चलाने की भी घोषणा की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नीरज कुमार शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने बड़ोह में लोगों की समस्याएं भी सुनी। अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया तथा शेष समस्याओं के समाधान हेतू सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिये। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मानसिंह चैधरी, ब्लॉक कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रताप रियाड, कांग्रेस कमेटी के सदस्य, तहसीलदार बड़ोह शिखा राणा, बीडीओ बड़ोह पूजा अधिकारी, बीएमओ नगरोटा बगवां रूबी भारद्वाज, डीएफओ दिनेश शर्मा, विनय जिला पर्यटन अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग विवेक ठाकुर, एसडीओ नितिन जसरोटिया, आरएम एचआरटीसी राजेंद्र पठानिया, जोगिंदर सिंह पूर्व प्रधान, दिवाकर शर्मा पूर्व प्रधान झिकली कोठी सुमन कुमार, अमित शर्मा चेयरमैन बीडीसी, प्रधान सरूट अल्पना, कर्म चंद, हरी राम हीर, जीवन कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा सह प्राध्यापक बीर सिंह परमार, सहायक प्राचार्य अमित शर्मा, सुनीता कुमारी, सुरजीत कुमार, महाविद्यालय के सभी आचार्य, छात्र एवं अभिभावकों सहित क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।
राजकीय उच्च पाठशाला रोहाडा की छात्राएं घर-घर जाकर स्थानीय लोगों को तुलसी के बहु उपयोगी पौधे के पत्तों से कागज बनाने की विधि सीखा रही है। पाठशाला के एसएमसी सदस्य भी इस कार्य में बढ़ चढ़कर भाग ले रहे हैं। इस कार्य को अंजाम देने वाली चारों छात्राएं सोनम, सुदीक्षा, सोनाक्षी और रिद्धि लोगों के घरों में जाकर तुलसी के पत्तों से कागज बनाने की विधि सीखा रही है। छात्राओं ने लोगों को यह भी बताया कि तुलसी की खेती से उनकी आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बनाया जा सकता है। विज्ञान अध्यापिका अर्चना कुमारी के नेतृत्व तथा अपनी मुख्य अध्यापिका शालू बस्सी के मार्गदर्शन में छात्राएं यह कार्य कर रहीं हैं।
राजकीय महाविद्यालय रक्कड़ में चुनावी पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी दी गई। इसके साथ अपने मत का सही प्रयोग किस प्रकार से करें। इसके बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज सूद, कार्यक्रम की आयोजक प्रोफेसर शैलजा, भारत चुनाव आयोग स्वीप जसवा प्रागपुर के नोडल ऑफिसर सुरजीत ठाकुर और महाविद्यालय के अन्य प्रवक्ता प्रोफेसर विकास चंद्र, डॉ जसपाल राणा, प्रोफेसर मीना कुमारी , प्रोफेसर रविंद्र कुमार, डॉ सुषमा कुमारी व प्रोफेसर श्वेता कुमारी उपस्थित रहे।
प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ द्वारा गत वर्षों की तरह इस वर्ष भी संचालित की जाने वाली मेधावी छात्रवृति प्रतियोगिता के अयोजन बारे सभा के प्रधान ओम प्रकाश कटोच की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें परीक्षा संयोजक रमेश शर्मा, वेव सचिव प्रधानाचार्य मोहन शर्मा, प्रेस सचिव सुरिंदर शर्मा, परीक्षा प्रभारी प्रवक्ता सरताज सिंह, केंद्रीय मुख्य शिक्षक जसदेव सिंह, महिपाल सिंह, मुख्य शिक्षक बलविंद्र गुलेरिया, बोधराज, टीजीटी अनिल खोखर, बीरबल कुमार, राम गोपाल शर्मा और राजीव ठाकुर सहित अन्य लोगों ने हिस्सा लिया। सभा के प्रेस सचिव सुरिंदर शर्मा ने बताया कि समस्त केंद्रो में परीक्षा संबंधी सामग्री पहुंचाने की प्रक्रिया सभा द्वारा जल्दी आरंभ कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि गत वर्षों की तरह इस वर्ष भी परीक्षा ओएमआर प्रणाली के तहत ली जाएगी और मूल्यांकन कंप्यूटर के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ दिल्ली में करवाया जायेगा। इसके साथ उन्होंने बताया की परीक्षा के आवेदन पत्र मंदिर की वेबसाइट काठगढ़ मंदिर.इन से भी डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा फीस भी ऑनलाइन मंदिर अकाउंट में जमा करना सकते हैं। इस बार परीक्षा में इंविजिल्टर सभा की ओर से नियुक्त किए जाएंगे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भोग्रवां में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ब्लॉक इन्दौरा के सौजन्य से नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में आयुष विभाग की डॉक्टर निशा एवं नागरिक अस्पताल इंदौरा की स्वास्थ्य शिक्षिका निर्मला कुमारी ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को नशे की दुष्प्रभावों से अवगत करवाया तथा उन्हें नशे से दूर रहने की हिदायत दी। सत्र के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रामकृष्ण शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया तथा बच्चों को स्वास्थ्य के महत्व के बारे में बताते हुए , नशे के विरुद्ध एकजुट होकर नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने का आहवान किया। इस अवसर पर विद्यालय के 311 छात्रों एवं सभी अध्यापकों ने भाग लिया।
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश संजय करोल शुक्रवार को देर सायं अचानक अपने पैतृक गांव गरली पहुंचे। इससे पहले उन्होंने गांव रक्कड़ के प्राचीन ऐतिहासिक शक्तिपीठ नरसिंह मंदिर में माथा टेकने के बाद अपनी कुलदेवी माता नारी वंडा जाकर पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात वे गरली में अपने पूर्वजों के मकान, जो कई वर्षों से बंद पड़ा है, वहां गए और उसकी दहलीज पर जाकर माथा टेका। वे गरली में सभी लोगों से आम नागरिक की तरह मिले और इलाके का हालचाल जाना। वहीं, स्थानीय लोगों ने कई जनसमस्याओं को न्यायाधीश करोल के समक्ष रखा। वहीं, न्यायाधीश ने लोगों की इन जन समस्याओं को सुनने के बाद कहा कि गरली से उनका गहरा लगाव है और वे लोगों इन समस्याओं को तुरंत हल करने के लिए प्रयास करेंगे।
पुलिस थाना देहरा की चौकी संसारपुर टेरेस के अंतर्गत पुलिस चौकी प्रभारी द्वारा टोल वैरियर स्वां पुल के पास बिना परमिट के लकड़ी से भरा एक ट्रक पकड़ा गया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने यातायात चेकिंग के दौरान नूरपुर की तरफ से आ रहे एक ट्रक को जब चेकिंग के लिए रोका तो उसमें बिना परमिट अलग-अलग प्रकार की लकड़ी पाई गई। ट्रक में सवार चालक राकेश कुमार निवासी गांव सदवां नूरपुर सहित एक अन्य व्यक्ति सुरेश कुमार गांव छत्रवासा नूरपुर के खिलाफ पुलिस थाना देहरा में मामला दर्ज किया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ट्रक को भी बांड कर लिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिनांक 1.01.2024 कीे अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण करवाया जा रहा है। इसके संदर्भ में जिला कांगड़ा के समस्त 15 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को शतप्रतिशत त्रुटिरहित बनाने में प्रत्येक मतदान केंद्र हेतु नियुक्त किये गये बूथ लेवल अधिकारियों को सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि फोटायुक्त मतदाता सूचियों को अद्यतन करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जो व्यक्ति दिनांक 1-01-2024 को 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण करने वाले पात्र मतदाताओं का नाम फोटोयुक्त मतदाता सूची में दर्ज करने के लिए दिनांक रविवार 19 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किया गया हैं। जो व्यक्ति किसी कारणवश कार्यदिवस में अपना नाम अभिहित अधिकारी के पास दर्ज नही करवा सके हैं, वह व्यक्ति विशेषकर 19 नवंबर (रविवार) को प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक अपना आवेदन अभिहित अधिकारी के पास संबंधित मतदान केंद्र पर प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके साथ-साथ फोटोयुक्त मतदाता सूची में नामों को दर्ज, विलोपन या संशोधन करवाने का कार्य 9 दिसंबर तक लगातार जिला कांगड़ा में चलेगा। इसके अतिरिक्त उपरोक्त संदर्भ में कोई भी नागरिक अधिक जानकारी प्राप्त करने हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय, धर्मशाला के कॉल सेन्टर में नि:शुल्क टेलीफोन सेवा 01892-1950 पर कार्यालय समयावधि प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक लंैडलाइन या मोबाइल फोन से संपर्क करके विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
ज्वालामुखी की गगडूही पंचायत की आर्किटेक्ट आकांक्षा भारद्वाज उत्तर प्रदेश के नोयडा स्थित प्रतिष्ठित कॉलेज में सहायक प्रोफेसर के पद पर नियुक्त हुई हैं। वह के बरोटा जगीर दरीण गांव के रविंदर भारद्वाज की बेटी हैं। इससे पहले आकांक्षा नई दिल्ली के छत्तरपुर के क्रिएटिव ग्रुप एसएसपी के कार्यालय में भी आर्किटेक्ट के रूप में काम कर चुकी हैं। उनके पिता रविंदर भारद्वाज ने बताया कि आकांक्षा ने एपीजे टेक्निकल यूनिवर्सिटी से आर्किटेक्ट में पांच साल की डिग्री हासिल की है। इसके बाद इसी विषय में उसने एमिटी यूनिवर्सिटी के एमिटी कैंपस से मास्टर्स किया है। वह ज्वालामुखी विकास सभा के अध्यक्ष अमर चंद कमल की पोत्री है। वह केजीवीसी दिल्ली के चिल्ड्रन विंग की सचिव पद की जिम्मेदारी भी निभा रही हैं। उनकी सहायक प्रोफेसर पद पर नियुक्ति से इलाके में खुशी का माहौल है।
-विस्थापित फरीद बोले, राजस्थान में उनके मुरब्बों पर कब्जा जमाए बैठे हैं वहां के लोग -मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से लगाई न्याय दिलाने की गुहार पौंग डैम बनने के पांच दशक बीतने के बाद भी विस्थापितों की समस्याएं हल नहीं हो पाई हैं। इलाके के कुछ लोगों ने कहा है कि उनके नाम पर आवंटित मरब्बों पर अवैध रूप से कब्जा हो चुका है। इसे लेकर उन्होंने प्रदेश सरकार ने न्याय की गुहार लगाई है। देहरा के सुनहेत में ढलियारा पंचायत के उप प्रधान एवं समाजसेवी वीरेंद्र मनकोटिया की अगुआई में मीडिया से बातचीत में गांव बड़ा से संबंधित फरीद मोहम्मद ने बताया कि 1972-73 में पौंग डैम बनने के बाद उन्हें अपने गांवों से विस्थापित होना पड़ा था। इसकी एवज में हिमाचल सरकार ने उन्हेंं राजस्थान के अनूपगढ़ में मरब्बे दिए, लेकिन उन्हें इसके बारे में पूरी जानकारी नहीं थी। कुछ समय पहले उन्हें पता चला कि उनके नाम पर कितने मरब्बे हैं। इसके बाद जब वे कब्जा लेने वहां पहुंचे तो पता चला कि वहां के कुछ प्रभावशाली लोग उस पर कब्जा कर चुके हैं। वहां जाने पर उन लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मांग की है कि उन्हें न्याय दिलाया जाए। मनकोटिया ने बताया कि प्रभावित लोगों ने सुप्रीम कोर्ट के वकील रमजान खान से इस संबंध में बात की है। वह 19 नवंबर को देहरा पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी तरह अन्य प्रभावितों को भी वकील से मिलने के लिए बुलाया है। पांग बांध विस्थापित फरीद मोहम्मद ने अन्य सभी विस्थापितों से अनुरोध किया है 19 नवंबर को सुबह 11 बजे पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में ज्यादा से ज्यादा लोग अपनी समस्याओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ताओं से मिलने पहुंचे।
भारतीय जनता पार्टी की जिला देहरा के प्रवक्ता विनोद शर्मा ने प्रदेश में बंद पड़े स्टोन क्रशरों को अविलंब खोलने और प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में क्रशरों के बंद होने से कुछ लोग महंगे दामों पर मेटीरियल बेच रहे हैं। इस कारण मजदूरों, दिहाड़ीदारों, मेटीरियल लोड करने वालों एवं ट्रैक्टर वालों की आजीविका बुरी तरह प्रभावित हो रही है। विनोद शर्मा ने कहा है कि सरकार स्पष्ट करे कि सरकार को प्रदेश को तीन माह तक क्रशर बंद करने का क्या परिणाम हासिल हुआ है। उन्होंने कहा कि मीडिया ने भी जनहित में क्रशरों को खोलने हेतु आवाज बुलंद की है। उन्होंने प्रदेश सरकार से क्रशरों को खोलने व प्रभावित परिवारों को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है।
ज्वालामुखी उप मंडल के तहत ब्लॉक देहरा की जखोटा पंचायत में एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के प्रतिनिधिमंडल ने एचपीएसएचआईवीए प्रोजेक्ट के अंतर्गत बन रहे क्लस्टर का निरीक्षण किया। इस मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि जखोटा में हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा बगीचा बनेगा। इस टीम में एडीबी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उनके साथ उद्यान विभाग के उप निदेशक डॉ. कमलशील नेगी, एचपीएसएचआईवीए प्रोजेक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर परमार, जिला समन्वयक डॉ नीरज, एसएमएस डॉ. विवेक गर्ग, क्लस्टर इंचार्ज डॉ. काजल और क्लस्टर जखोटा के प्रधान अक्षय कुमार और ग्राम पंचायत जखोटा, धनोट, अधवानी, घुरकाल के किसान मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्लस्टर में हो रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस क्लस्टर में 200 हेक्टेयर भूमि पर विभिन्न प्रकार के फलों का उत्पादन किया जाएगा। इनमें अमरूद, संतरा, मौसमी और अनार आदि शामिल हैं। इस क्लस्टर के बनने से स्थानीय किसानों को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी मदद मिलेगी। क्लस्टर में अभी तक रोपण के लिए भूमि तैयार की जा रही है। इसके लिए खेतों की जुताई, खाद डालने, नालियों का निर्माण आदि कार्य किए जा रहे हैं। रोपण के लिए फलदार पौधों का बीज भी तैयार किया जा रहा है। कलस्टर में रोपण के लिए उन्नत किस्म के पौधे लगाए जाएंगे। इन पौधों को वैज्ञानिक विधि से तैयार किया जाएगा। इससे किसानों को अधिक उत्पादन मिलेगा क्लस्टर में सिंचाई के लिए भी व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए ड्रिप सिंचाई प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे पानी की बचत होगी और उत्पादन भी बेहतर होगा। क्लस्टर में फलदार पौधों की देखभाल के लिए किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें फलदार पौधों की खेती के बारे में जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण में किसानों को पौधों की रोपण, खाद, पानी, कीटनाशक आदि के बारे में जानकारी दी जाएगी। इससे किसानों को फलदार पौधों की बेहतर खेती करने में मदद मिलेगी।
-ज्वालामुखी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आवासीय भवन का लोकार्पण विधायक संजय रत्न ने कहा कि प्रदेश सरकार धरातल पर स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत कर सभी के लिए बेहतर और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित कर रही है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य मुख्यमंत्री द्वारा अपने पहले बजट में की गई घोषणा के अनुरूप प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से 'आदर्श स्वास्थ्य संस्थानÓ स्थापित करना है। वीरवार को 74 लाख की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्वालामुखी के आवासीय भवन का लोकार्पण करने तथा 73.27 लाख की लागत से निर्मित होने वाली संपर्क सड़क डंडे दा पीपल से मुख्य सड़क अंब पठियार सिधोड़ापट्टन तक ( वाया स्वतंत्रता सैनानी दीनानाथ के घर तक ) का भूमिपूजन तथा 73.27 लाख से निर्मित होने वाली संपर्क सड़क अंब पठियार सिधोड़ापट्टन से गुग्गा चैक वाया गुज्जर बस्ती का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, सड़क तथा शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा स्वास्थ्य विभाग को चरणबद्ध तरीके से ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थानों का मजबूत ढांचा विकसित करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश सरकार द्वारा विशेषज्ञ चिकित्सकों को तैनात करने और अत्याधुनिक उपकरणों को अपग्रेड करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने के साथ-साथ, राज्य भर के मुख्य अस्पतालों और चिकित्सा महाविद्यालयों में उन्नत तकनीक का समावेश किया जाएगा। विशेषज्ञ डॉक्टरों की बढ़ोतरी से मरीजों को उपचार के लिए पहले की अपेक्षा कम प्रतीक्षा करनी होगी।


















































