हर वर्ष की भांति इस बार भी जयसिंहपुर से कुंज्जेश्वर महादेव मणिमहेश सेवा दल आज मणिमहेश में 5 लंगर सेवा के लिए रवाना हुआ। यह लंगर सेवा छञ्चों मणिमहेश स्थान पर लगाया जाएगा। यह लंगर सेवा 2 सितंबर से लेकर 22 सितंबर तक चलाई जाएगी। जयसिंहपुर से रवाना होने से पहले कन्या पूजन व कुंज्जेश्वर महादेव मंदिर लंबागांव में पूजा-अर्चना और महादेव के जयकारों के साथ मणिमहेश के लिए पहला जत्था रवाना हुआ। इस अवसर पर जयसिंहपुर के जिला पार्षद व कुंज्जेश्वर महादेव सेवा दल के सदस्य संजीव ठाकुर, अजय पठानिया, नरेंद्र, अविषेक वर्मा के साथ अन्य सेवा दल के सदस्य भी उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा की तहसील इंदौरा निवासी विजय कुमार को 5 सितंबर राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर राष्ट्रीय शिक्षक अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश के अकेले विजय कुमार ही इस अवार्ड को हासिल करेंगे। कोविड काल के दौरान विजय कुमार ने बेहतर तरीके से अपने और क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा दी। उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से बच्चों को पढ़ाया। विजय कुमार ने बताया कि सभी बच्चे ऑनलाइन क्लास से जुड़ नहीं पाते थे, कुछ बच्चों के पास मोबाइल नहीं थे व कई बार नेटवर्क की समस्या रहती थी। इस दौरान बच्चों के घरों में जाकर पढ़ते थे। वहीं उन्होंने सकोल मैथ के नाम से अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया है, इसमें क्लास 11वीं और 12वीं के बच्चों के लिए गणित सिलेबस के वीडियो अपलोड किए जाते हैं। इसके अलावा विजय कुमार फुलब्राइट पुरस्कार से भी चयनित हो चुके हैं, यह शिक्षण कार्यक्रम संयुक्त राज्य अमेरिका सरकार के शैक्षणिक और संस्कृत में मामलों के ब्यूरो की ओर से प्रायोजित किया गया था, इसमें देश भर से सात प्रतिभावान शिक्षकों का चयन किया गया गया था। विजय कुमार को यह पुरस्कार पाठ्यक्रम एवं गणित विषय शिक्षण प्रक्रिया को रुचिकर एवं प्रभावी बनाने के लिए नवीन सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग कर गणित विषय के प्रति विद्यार्थी के रुचि उत्पन्न करने पर प्रदान किया गया था। विजय कुमार ने बताया कि वह नई प्रौद्योगिकी सीखने के लिए बहुत उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि वह ऑनलाइन शिक्षक प्रबंधन प्रणाली को और प्रभावशाली बनाने की दिशा में काम करेंगे। विजय कुमार ने बताया कि उनके द्वारा रामानुजन मैथमेटिक्स पार्क जो कि हिमाचल का पहला मैथमेटिकल पार्क बनाया गया है। इसके अलावा 2 स्मार्ट मैथमेटिक्स क्लासरूम बनाए गए हैं, जिसमें की काफी लोगों का योगदान रहा हैं, मैथमेटिक्स पार्क और क्लासरूम बनाने के लिए कई लोगों का भी काफी योगदान रहा है, पार्क व क्लशरुम बनाने के लिए 4 लाख का खर्चा आया है। इसके इलावा मैथमेटिकल लैंब भी उनके द्वारा बनाई गई है जिसका इनोग्रेशन डीसी कांगड़ा निपुण जिंदल द्वारा किया गया है। इस लैब को स्कूलों व गांव में जाकर बच्चों की मदद करते हैं।
संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर बलाहर में सोत्साह संस्कृत सप्ताह का शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता परिसर निदेशक प्रो. मदन मोहन पाठक ने की। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में पुलिस विभाग से पधारे मनजीत मनकोटिया उपस्थित रहे। विशिष्टातिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति से नानक चन्द शर्मा ने सभा को अलंकृत किया। इसी अवसर पर सारस्वतातिथि के रूप में डॉ. विपिन कुमार झा उपस्थित रहे। इस अवसर पर परिसर निदेशक प्रो. पाठक ने कहा कि संस्कृत सप्ताह सात दिनों तक आयोजित होने वाला महोत्सव है। संस्कृत को घर घर पहुंचाने के उद्देश्य से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित होते हैं। यह कार्यक्रम कवि पंकज के संयोजन में सम्पन्न होगा। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास की दृष्टि से सात दिनों में लगभग 15 प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। साथ ही अन्तिम दिन छात्रों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. मञ्जुनाथ एसजि, डॉ. सुरेश पांडेय, डॉ. श्याम बाबू, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ. भूपेंद्र ओझा, डॉ. श्रीनाथधर द्विवेदी, डॉ. मनोजश्रीमाल, डॉ. महीपाल सिंह, डॉ. सत्यदेव, डॉ. प्रतिज्ञा आर्या, डॉ. सन्तोष गोडरा, डॉ. शैलेश कुमार तिवारी, डॉ. नवीन तिवारी, डॉ. पुरुषोत्तम, डॉ. शक्तिशरणशर्मा, डॉ. योगेश पाण्डेय, डॉ. सत्यनारायण सहित समस्त आचार्य एवं छात्र उपस्थित रहे।
हरिपुर के धंगड़ में भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आपदा प्रभावितों के पुनर्वास के लिए सरकार कारगर कदम उठाएगी इस के लिए तत्परता के साथ कार्य किया जा रहा है। रविवार को हरिपुर में आपदा प्रभावित धंगड़ पंचायत में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नुकसान का जायजा लिया तथा प्रभावित परिवारों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को क्षतिग्रस्त योजनाओं एवं अन्य अधोसंरचना की मरम्मत में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों तथा प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। आठ हजार करोड़ का हुआ है नुकसान उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भारी बारिश के चलते आठ हजार करोड़ का नुक्सान एवं 300 से अधिक लोग इस मानसून का शिकार होकर जान गंवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युद्व स्तर पर राहत एवं पुनर्वास कार्यक्रम चला रही है और अपने स्रोतों से जो भी राज्यवासियों की सुरक्षा के लिए किया जा सकता है, वो किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में आपदा की इस घड़ी में प्रभावितों के पुनर्वास पर विशेष फोक्स किया जा रहा है। आपदा से बचाव के लिए बनेगी स्थायी वैज्ञानिक योजना बाढ़ सुरक्षा, भूस्खलन, भूकंप और अन्य संवेदनशील स्थितियों के लिए एक स्थायी वैज्ञानिक योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में पुलिस बल को आगे आकर कार्यवाही करनी होती है, ऐसे में इन बलों को त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए भी प्रशिक्षित करने पर बल दिया जाएगा। सभी शहरी स्थानीय निकायों द्वारा आदर्श भवन नियम अपनाने तथा इनके सख्ती से कार्यान्वयन पर भी बल दिया जाएगा। प्रभावितों से मिलने के लिए पांच किमी पैदल पहुंचे डिप्टी सीएम भारी बरसात से हरिपुर की धंगड़ पंचायत में भूस्खलन से दो दर्जन के करीब परिवारों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, प्रशासन ने सात परिवारों को धंगड़ में राहत शिविर में ठहराया गया है जबकि अन्य अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। रविवार को आपदा प्रभावितों से मिलने डिप्ट सीएम मुकेश अग्निहोत्री पांच किलोमीटर का पैदल सफर तय कर धंगड़ पहुंचे तथा आपदा प्रभावितों को प्रशासन को हरसंभव मदद देने के निर्देश भी दिए गए तथा उनके पुनर्वास के लिए त्वरित कार्य योजना तैयार करने के लिए कहा गया। इस अवसर पर विधायक होशियार सिंह, पूर्व में प्रत्याशी रहे डॉ. राजेश शर्मा, एसडीएम शिल्पी बेक्टा सहित विभिन्न विभागों के लोग उपस्थित थे।
डिप्टी सीएम ने हरिपुर बस स्टैंड तथा देहरा में एचआरटीसी वर्कशाप का किया निरीक्षण उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को देहरा में एचआरटीसी वर्कशाप तथा हरिपुर में बस स्टैंड का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य के सभी बस अड्डों को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। इस के लिए विभागीय अधिकारियों को उचित कदम उठाने के दिशा निर्देश दिए गए हैं इसके साथ ही एचआरटीसी की वर्कशॉप्स को भी अपग्रेड किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चालकों तथा परिचालकों को विश्राम करने तथा ठहरने के लिए भी उचित व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि चालक तथा परिचालक बेहतर तरीके से अपना कार्य कर सकें। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को हरित राज्य बनाने के लिए हमारी सरकार प्रयासरत है और प्राइवेट आपरेटर्स द्वारा इलेक्ट्रिक बस, इलेक्ट्रिक टैक्सी व इलेक्ट्रिक ऑटो खरीद पर पचास फीसद की दर पर 50 लाख तक अनुदान देने का फैसला लिया है और राज्य में छह इलेक्ट्रिक कोरिडोर घोषित किए हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में 15 इलेक्ट्रिक बसें शुरू की गई हैं और 126 स्थानों पर 5 चार्जिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के वाहनों के टैक्स जमा करवाने के लिए पैनल्टी एवं ब्याज माफ करने के लिए 31 दिसंबर तक का समय दिया गया है। राज्य के युवाओं को रोजगार के नजरिये से 500 परमिट जारी करने का फैसला हुआ है और ई-वाहन खरीदने वाले युवाओं को प्रदेश सरकार 4 साल तक गाड़ी हायर करने की योजना पर काम कर रही है। इस अवसर पर एचआरटीसी के कर्मचारियों ने डिप्टी सीएम को अपनी समस्याओं से भी अवगत करवाया। इस अवसर पर विधायक होशियार सिंह, पूर्व में प्रत्याशी रहे डॉ. राजेश शर्मा, एसडीएम शिल्पी ब्रेक्टा, डीएसपी तथा एचआरटीसी के अधिकारी उपस्थित थे।
जब आंखों के सामने ही सपनों का आशियाना धराशायी हो जाए तो दर्द कितना होता होगा, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। ऐसा ही दर्द मंडी जिले के उप मंडल सरकाघाट के कई परिवारों का है। इनमें से एक अति निर्धन परिवार उप मंडल की ग्राम पंचायत रिस्सा के गांव रिस्सा का है। रिन्टू पुत्र टेक चंद के परिवार पर आपदा एक कहर बनकर आ बरसी है। इस बरसात ने इनका नया और पुराना घर दोनों छीन लिये हैं। यही नहीं गांव की सारी जमीन भूस्खलन की चपेट में आ गई है तथा मौजूदा समय में रिन्टू अपने पूरे परिवार के साथ रिस्सा के सरकारी स्कूल में अपना कष्ट भरा समय गुजार रहे हैं। आप सभी दानी सज्जनों से एक सादर अपील है कि आपकी छोटी से छोटी मदद भी इन सबको एक कुटिया बनाने में सहायक सिद्ध हो सकती है। ये लोग सरकार से भी अपील कर रहे हैं मदद की। दानी सज्जन निम्नलिखित अकाउंट नंबर में आप स्वेच्छा अनुसार सहयोग कर सकते हैं। Rintu S/O Tek Chand VPO Rissa, Sarkaghat, Mandi HP 175024 Himachal Pradesh Framing Bank Account Details 87491700075321 IFSC Code PUNBOHPGB04 इनके फोन नंबर हैं 78078 73145, 7807177180
देश के सर्वोच्च शिक्षक सम्मान के लिए कांगड़ा जिला के इंदौरा खंड से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोहटली के प्रवक्ता विजय कुमार डोगरा का चयन हुआ है। 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शिक्षक विजय कुमार को सम्मान दिया जाएगा। हिमाचल प्रदेश से तीन शिक्षकों के नाम राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए भेजे गए थे। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने शनिवार देर शाम को राष्ट्रीय पुरस्कारों की सूची जारी की। इसमें हिमाचल प्रदेश के शिक्षक विजय कुमार डोगरा का नाम दूसरे स्थान पर है।
पुलिस चौकी डाडासीबा के तहत पुलिस थाना देहरा द्वारा ओआणी खड्ड के पास ट्रक न. HP 68 7900 से 25 पेटी शराब देसी मार्का संतरा बरामद की है बरहाल ट्रक चालक अभी मौका से ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। मामले की पुष्टि डीएसपी देहरा अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यावई शुरू कर दी है।
देहरा में चल रहे एक मामले में एक डॉक्टर को दो सगी बहनों के साथ अश्लील हरकतें करने और रेप में दोषी पाए जाने पर नितिन कुमार अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश देहरा की अदालत ने पांच साल की कैद और 80 हजार रुपए जुर्माना की सजा सुनाई है। संदीप शर्मा जिला उपन्यायवादी देहरा ने बताया कि नादौन निवासी दंत चिकित्सक अनिल कुमार मझीण में वर्ष 2015 में प्राइमरी हेल्थ सेंटर में जब कार्यरत था, तो वहां इलाज के लिए आई दो सगी बहनों के साथ अनिल कुुमार ने अश्लील हरकतें करने के बाद दुष्कर्म किया। पीड़िताओं की शिकयत पर ज्वालाजी थाना में मामला दर्ज हुआ। ज्वालाजी थाना के सब इंस्पेक्टर संदीप पठानिया ने की छानबीन और गवाहों के आधार पर यह मामला कई वर्ष चला। आखिरकार शनिवार को अदालत ने अनिल कुमार को दोषी मानते हुए पांच वर्ष की कैद और अस्सी हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
कांग्रेस मत्स्य पालन विभाग के चेयरमैन एवं देहरा संगठनात्मक जिला के पूर्व अध्यक्ष नरदेव कंवर ने शनिवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को एक लाख रुपये का चेक आपदा राहत कोष-2023 के लिए प्रदान किया। यह राशि देहरा उपमंडल के बनखंडी के समीपवर्ती गांव बणे दी हट्टी के शहीद बजिंदर सिंह की याद में उनके बड़े भाई विजय सिंह ने दी है। विजय सिंह ने शुक्रवार को यह चेक नरदेव कंवर को सौंपा था। मुख्यमंत्री को शनिवार को यह चेक सौंपने के दौरान खाद्य एवं आपूर्ति विभाग हिमाचल प्रदेश के निदेशक पुष्पिंदर ठाकुर और वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता अमित शर्मा उपस्थित रहे।
शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से पुष्पिंदर ठाकुर निदेशक हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड मिले। उन्होंने नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस दौरान कांग्रेस मत्स्य विभाग के चेयरमैन नरदेव कंवर भी उपस्थित रहे।
नगरोटा विस क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में नुकसान का लिया जायजा हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने नगरोटा बगबां विधानसभा क्षेत्र में भारी बरसात के कारण प्रभावित क्षेत्रों में राहत तथा पुनर्वास कार्यों का जायजा लिया, इस दौरान उन्होंने बंद पड़े ग्रामीण रास्तों, पेयजल परियोजनाओं को शीघ्र पुन: स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राहत तथा पुनर्वास कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही नहीं बरती जाए ताकि आम जनमानस को किसी भी तरह की असुविधा नहीं हो। आरएस बाली ने इन क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं और निजी संपत्ति को हुए नुकसान का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों को तुरंत इनकी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। नुकसान का करें त्वरित आकलन आरएस बाली ने कहा किकि प्रभावित क्षेत्रों में सड़कें, जल आपूर्ति और बिजली को रिस्टोर करने के लिए भी विभागों द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने इस दौरान लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड के अधिकारियों को और अधिक तेज गति से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपदा से प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश हैं कि आपदा के कारण आम जनमानस को हुए नुकसान का त्वरित आंकलन कर उन्हें राहत उपलब्ध करवाई जाए। बेघर हुए परिवारों को गृह निर्माण के लिए मदद का करें प्रावधान आरएस बाली ने कहा कि जिन लोगों के घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं प्रशासन अधिकारियों को उनको गृह निर्माण के लिए प्राथमिकता के आधार पर धन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं ताकि इन परिवारों के रहने की उचित व्यवस्था हो सके। उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्वयं नियमित तौर पर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे। मुमता पंचायत निवासी चंपा देवी के घर के पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने पर आरएस बाली ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्राथमिकता के आधार पर उनको रहने के लिए मकान का निर्माण करवाया जाए इसके साथ ही मुमता पंचायत में गांव के मुख्य रास्ते पर बनी हुई पुलिया को जल्द से जल्द बनने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उस्तेड़ कालीजन में स्कूटर से पहुंचे आरएस बाली उस्तेड़ कालीजन में रास्ता संकरा होने की बजह से नुक्सान का जायजा लेने के लिए आरएस बाली स्कूटर के माध्यम से पहुंचे। आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा की हर पंचायत के लोग उनके परिवार की तरह हैं तथा आपदा की इस घड़ी में लोगों के साथ दिन रात खड़े हैं तथा अधिकारियों को भी लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए गए हैं। इन पंचायतों में लिया जायजा आरएस बाली ने नगरोटा विस क्षेत्र की मुमता उस्तेहड़, कालीजन, मंगरेला, लूना, सरोत्री, सुन्नी, केरटा, बुस्सल और रतियाड़ इत्यादि पंचायतों में बारिश से हुए नुक्सान का जायजा लिया तथा लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
लोगों को गुमराह करके सरकार बनाने वाली कांग्रेस पार्टी को अपने वादे एवं गारटियां पूरी करनी चाहिए। खासतौर पर महिला वर्ग की ओर ध्यान देना चाहिए। प्रदेश भाजपा प्रचार प्रसार प्रमुख परमजीत मनकोटिया ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह किया है कि नारी सशक्तीकरण की बात करने से कुछ नहीं होगा, धरातल पर भी काम करना होगा। अभी रक्षा बंधन पर्व आ रहा है। इस पावन अवसर पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को चाहिए कि वह प्रदेश की महिलाओं को सम्मान देते हुए अपने वादे के अनुसार रक्षा बंधन के दिन महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने की बात करने वाली नारी सम्मान योजना का शुभारंभ करें। इसी दिन से सरकार हर माह महिलाओं को 1500 रुपये दे। अगर कांग्रेस सरकार नारी सम्मान योजना शुरू कर देती है तो हमें भी लगेगा कि सीएम सुखविदंर सिंह सुक्खू प्रदेश की महिलाओं और बहनों की उत्थान को लेकर कितने सजग हैं। इस शुभ दिन पर अगर यह योजना शुरू कर दी जाती है कि प्रदेश की महिलाओं के लिए इससे बड़ा तोहफा कोई नहीं होगा। उन्होंने कहा कि चुनावों के समय कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में और हर मंच पर यह बात कही थी कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है कि प्रदेश की बहनों और माताओं को हर माह 1500 रुपये दिए जाएंगे। यह घोषणा कांग्रेस की 10 गारंटियों में प्रमुखता से थी। अब सरकार बने आठ माह से अधिक समय हो गया है, लेकिन प्रदेश की बहनें आज दिन तक 1500 रुपये का इंतजार कर रही हैं, ताकि वह अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ भेंट करके विधायक केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2,14,300 रुपये का अंशदान किया है। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विस क्षेत्र के लोग तथा कांग्रेस के फ्रंटल संगठन आपदा राहत कोष के लिए दिल खोलकर मदद कर रहे हैं ताकि आपदा प्रभावितों के पुनर्वास के लिए सरकार की मदद की जा सके। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री से शाहपुर नगर पंचायत की विभिन्न समस्याओं को लेकर भी मांग पत्र भी सौंपा है, जिसमें गृह कर में छूट देने तथा शाहपुर नगर पंचायत के समग्र विकास के लिए भी उचित कदम उठाने का आग्रह किया गया है। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार राहत, पुनर्वास तथा विकास के ध्येय को आगे लेकर बढ़ रही है ताकि आपदा की इस घड़ी में हिमाचल की जनता विशेष तौर पर प्रभावितों को पुनर्वास सुनिश्चित किया जा सके।
उप मंडल जयसिंहपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोसरी के वार्ड तीन बल्ह पट्ट पठानिया गांव और रोपड़ी पंचायत के उम्मर गांव के लोगों को आजादी के 76 वर्ष बीत जाने के बाद भी सड़क और पुल की सुविधा नहीं मिल पाई है। गौरतलब है कि इस गांव के साथ में शौर्य चक्र विजेता शहीद सूबेदार केयर सिंह का घर भी है, जिनके घर तक भी आज तक सड़क नहीं बन पाई। रोपड़ी स्कूल का नाम शहीद सूबेदार केयर सिंह के नाम पर ही रखा गया है। शहीद सूबेदार केयर सिंह की माता शांधो देवी की उम्र 100 वर्ष हो चुकी है उनका कहना है कि आज दिन तक मेरी आंखें सड़क सुविधा के लिए तरस गई कि हमारे घर तक बनेगी। शहीद केयर सिंह की पत्नी की उम्र 66 वर्ष हो गई है और उनका एक बेटा है पर आज दिन तक यह गांव सड़क सुविधा से वंचित है। इन गांवों में पहले 100 से अधिक घर हुआ करते थे पर सड़क सुविधा न होने से कई घरों के लोग यहां से दूर-दराज क्षेत्रों में जाने को मजबूर होना पड़ा। आज भी यहां के लोगों को राशन लेने के लिए या बच्चों को स्कूल जाने के लिए सुलयाली और हरोटी खड्ड को पार करके जाना पड़ता है। इन गावों के लोगों को जब बरसात शुरू होती है तो तीन महीने इन गावों के लोगों को काला पानी की सजा बन जाती है। बरसात के समय इन खड्डों का जल स्तर इतना बढ़ जाता है कि जयसिंहपुर में पढ़ने वाले स्कूल और कॉलेज के छात्रों और नौकरी और रोज काम करने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सबसे बड़ी मुश्किल तब होती है अगर इन दिनों में कोई बीमार पड़ जाए तो उन्हें बरसात के समय कंधे पर उठा कर इन खड्डों को पार करना पड़ता है, जिसमें कोई भी अनहोनी की संभावना बनी रहती है। गांववालों का कहना है कि जयसिंहपुर विधानसभा में कितने विधायक आए और चले गए पर हमारे गांव में सड़क और पुल नहीं बना सके। क्या कहते हैं स्थानीय विधायक गोमा विधानसभा जयसिंहपुर के विधायक यादविंदर गोमा का कहना है कि उम्मर गांव और पट्ट पठानिया गांव के लिए सड़क बनाने के लिए नाबार्ड के लिए प्रपोजल भेज दिया है जैसे ही नाबार्ड से पैसे सैक्शन हो जाएंगे इन गांव के पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा
हिमालयन आईटीआई लगवलियाना में 25 अगस्त को एमएस गोदरेज और टीआई साइकल मोहाली द्वारा रोजगार मेला लगाया गया। इसमें प्रदेश भर के आईटीआई संस्थानों से आए 160 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। ओर 120 परीक्षार्थियों को रोजगार मिला। आईटीआई के प्रधानाचार्य आनंद कुमार ने कहा कि चयनित हुए परीक्षार्थियों की एक हफ्ते के अंदर ज्वाइनिंग होगी। ओर आगे भी बहुत जल्द हिमालयन आईटीआई लगवलियाना में कंपनियों द्वारा रोजगार मेला लगाया जाएगा। और परीक्षार्थियों को रोजगार के अवसर मिलते रहेंगे।
जल शक्ति विभाग के कार्यरत कनिष्ठ अभियंता (जेई) राजेश कुमार का शव शनिवार को हरिपुर के थाना क्षेत्र के बंगोली में बरामद हो गया। उल्लेखनीय है दो दिन पूर्व अपने स्टाफ के साथ दौलतपुर के जलाड़ी में पानी की स्कीम को दुरुस्त करने गए जेई बनेर खड्ड में गिर गए थे। उसी दिन से एसडीआरएफ और पुलिस की टीम स्थानीय लोगों की मदद से जेई की तलाश में लगे थे।
केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं युवा व खेल मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया है कि हिमाचल प्रदेश में आपदा पीड़ितों के लिए केंद्र सरकार 6,000 घर बनाएगी। पीएम ग्रामीण आवास योजना के तहत ग्रामीण विकास मंत्रालय ने इसकी मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को अनुराग ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात कर मंजूरी देने के लिए आभार जताया। अनुराग ने बताया कि हाल ही में 5,000 घरों को मंजूरी मिली थी। इस आपदा में केंद्र से अब तक कुल 11,000 घर मंजूर हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार केंद्र हिमाचल की हरसंभव सहायता कर रहा है। बीते दिनों भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल के साथ उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था।
उपमंडल फतेहपुर की ग्राम पंचायत टटवाली के गांव रेहतपुर का एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया है। के अनुसार हरीश कुमार उर्फ जोली पुत्र गुरदयाल सिंह पानी से अपने पशु निकाल रहा था, लेकिन ब्यास नदी में 52 नंबर गेट से बहुत अधिक मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा था। इस दौरान हरीश जब वह काफी देर तक अपने घर वापस नहीं आया, तो छोटे भाई ने आस पड़ोस में फोन के माध्यम से हरीश की घटना के बारे में बताया, जिससे स्थानीय लोग देर रात तक ब्यास किनारे ढूंढते रहे, लेकिन शनिवार को सुबह तक हरीश कुमार का कोई पता नहीं चल पाया, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस चौकी रे में दी गई। यह जानकारी ग्राम पंचायत टटवाली के उपप्रधान रमन कुमार ने दी।
गुस्साए लोग बोले- पांच साल में सांसद के दर्शन तक नहीं हुए, त्रासदी में नहीं जाना हाल विधानसभा क्षेत्र जवाली के अधीन पंचायत नियांगल में भूस्खलन प्रभावितों से मिलने आए भाजपा नेताओं को जनता की खूब खरी-खोटी सुननी पड़ी। भाजपा नेताओं को यह खरी-खोटी कांगड़ा- चंबा के सांसद किशन कपूर के कारण सुननी पड़ी। हुआ ज्यों कि शुक्रवार को कांगड़ा-चंबा लोकसभा प्रभारी विपिन परमार, भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, नूरपुर के विधायक रणवीर निक्का, संजय गुलेरिया भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए आए तथा नियांगल पंचायत में प्रभावितों से मिले तो वहां पर पंचायत उपप्रधान संदीप समकड़िया सहित प्रभावितों ने रोष स्वरूप कहा कि पहले बताएं कि सांसद किशन कपूर कहां हैं। प्रभावितों ने कहा कि पांच साल में उनके दर्शन तक नहीं हुए और अब इतनी बड़ी त्रासदी आई है, तब भी सांसद बाहर नहीं निकले हैं। सांसद की 75 प्रतिशत सांसद निधि वापस हो गई है। पांच साल उनके कहीं दर्शन भी नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि सांसद किशन कपूर ने नियांगल पंचायत को गोद लिया हुआ है, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने इसकी सुध नहीं ली है। हालांकि नेताओं ने समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रभावित उनकी बात सुुनने को तैयार ही नहीं थे। भाजपा नेताओं ने कहा कि वे प्रधानमंत्री के निर्देश पर प्रभावितों से मिलने आए हैं और उनकी आवाज सरकार से उठाएंगे।
मणिमहेश लंगर सेवादल जवाली, लव, राजा का तालाब, गनोह, रैहन, फतेहपुर, धमेटा, नागावाड़ी का संयुक्त दल शुक्रवार को प्रधान मंजीत कौंडल की अगुवाई में सुंदरासी शिवधाम मणिमहेश के लिए रवाना हो गया। इससे पहले सुबह मां ज्वाला मंदिर में पूजा अर्चना के उपरांत राशन सामग्री के दो ट्रकों के साथ टीम ने लव से प्रस्थान किया। रैहन, राजा का तालाब, धमेटा, नागावाड़ी में संयुक्त सेवादल का लोगों ने भव्य स्वागत किया। वहीं दल की रवानी पर फतेहपुर, राजा का तालाब, गनोह में हलवा, खीर का प्रसाद वितरित किया, जबकि रैहन में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान राजा का तालाब में जस्सी महंत ने सेवादल को अपना आशीर्वाद प्रदान करके, भगवान से लंगर को बिना किसी बाधा के संपन्न करवाने के लिए प्रार्थना की। दल सुंदरासी शिवधाम में अपना 21वां नि:शुल्क लंगर 25 अगस्त से 10 सितंबर तक दिन रात सुचारू रूप से चलाएगा। इस दौरान सुंदरासी शिवधाम में भोले भक्तों के लिए चाय पान, मिष्ठान, 24 घंटे भोजन, रात्रि विश्राम एवं चिकित्सा की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। इस अवसर पर मणिमहेश लंगर सेवादल के चेयरपर्सन राम नाथ शर्मा, महिंद्र मियां, अवतार सिंह, तारा चंद, चंद्रशेखर गोरा, बलकार जरियाल, प्रेम सिंह, वीरेंद्र बिट्टू, प्रदीप शर्मा, नरेंद्र पिंकी, राजेश्वर गुलेरिया, सौरभ कुमार, जिम्मी, मनोहर लाल, फौजी भी टीम के साथ रहे।
भारत ने अंतरिक्ष ने इतिहास रच दिया है बुधवार को भारत के चंद्रायन-3 की चांद पर सफलतापूर्वक पूर्वक लैंडिंग से भारत विश्व का पहला देश बन गया है, जिसे चांद के साउथ पोल पर लैंड किया है। इस चंद्र विजय की खुशी में शिवालिक इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल नंगल चौक के यूकेजी कक्षा के छात्र दिवजोत सिंह ने एक बेहतरीन मॉडल तैयार किया है। इस पर स्कूल प्रबंधक मलकीत सिंह राणा क्लास टीचर पिंकी और निशु पटियाल तथा सभी अध्यापकों ने खुशी जाहिर की है और बधाई दिए।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व सुलाह विधानसभा क्षेत्र के विधायक विपिन सिंह परमार ने जवाली विधानसभा क्षेत्र भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याओं को जाना व उनके दर्द को बांटा। इस दौरान उहोंने पंचायत न्यांगल, गांव बाड़ा, कोटला, पंचायत राजोल के गांव अनुही का के दौरा किया। इस मौके पर उनके साथ हिमाचल प्रदेश भाजपा के महामंत्री त्रिलोक कपूर, पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, नूरपुर के विधायक ठाकुर रणवीर सिंह निक्का, भाजपा नेता संजय गुलेरिया, विशाल चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी विश्व चक्षु, जिला नूरपुर भाजपा अध्यक्ष रमेश राणा, प्रदीप शर्मा भी मौजूद रहे। इस मौके पर पूर्व विस अध्यक्ष परमार ने पिडि़त लोगों को हर संभव मदद करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार से भी जोरशोर से मांग उठाएंगे कि पिडि़त लोगों को जल्द से जल्द घर बनाकर उन्हें बसाया जाए। इस मौके पर एसडीएम ज्वाली व नायब तहसीलदार भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशासन की ओर से भी राहत व फौरी राहत को लेकर सभी व्यवस्था की जांच की। साथ ही अधिकारियों से पिडि़त लोगों की सबसे पहले मदद करने की बात रखी। भाजपा के वरिष्ठ नेता विपिन सिंह परमार ने बताया कि उक्त क्षेत्रों में बरसात का खौफनाक मंझर देखने को मिल रहा है। जिसमें 13 घर पूरी तरह से जमीदोंज हो गए हैं, जबकि 25 घरों को खाली भी करवाया गया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षित स्थान स्कूलों में पहुंचकर भी उन्होंने सभी व्यवस्था को जांचा है। श्री परमार ने कहा कि भाजपा की पहली प्राथमिकता लोगों को उनके छत पर घर पहुंचाने की रहेगी। भाजपा दोबारा सभी लोगों को उनके घर दिलाने व बनाने तक साथ निभाएगी। इसके लिए सरकार व प्रशासन से लगातार समन्वय बनाकर भाजपा कार्य में डटी रहेगी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि जहां दर्जनों लोगों के घर उजड़ गए, वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री इस क्षेत्र का दौरा करना तक उचित नहीं समझ रहे हैं। प्रदेश सरकार ने इतनी बड़ी आपदा को लेकर फौरी राहत के लिए कोई फूटी कौड़ी तक नहीं दी। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र में इस क्षेत्र की समस्या को वह जोरो शोरों से उठाएंगे, और लोगों के हुए नुकसान के लिए उचित मुआवजा मिले इसके लिए भी पूरे प्रयास करेंगे। श्री परमार ने कहा कि कांगड़ा के ज्वाली में आपदा के कारण दर्जनों लोगों के घर तबाह होकर उजड़ गए हैं, उससे इस क्षेत्र को आर्थिक तौर पर और सामाजिक तौर पर भी एक बहुत बड़ा धक्का लगा है। इस संदर्भ में भाजपा की टीम ने लोगों को यह आश्वस्त किया कि इसकी विस्तृत रिपोर्ट बनाकर वह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को सौंपेंगे और उसके बाद दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और आवश्यकता अनुसार जहां भी जरूरत पड़ी वहां से मदद के लिए प्रयास करेंगे।
साईबर सेल धर्मशाला के पुलिस कर्मचारियों के अथक प्रयास से लगभग 2,80,000 कीमत के 12 मिसिंग फोन तलाश किए गए हैं। इनमें 1 ऐप्पल फोन भी था। मिसिंग मोबाइलों को आज उनके असल मालिकों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बुलाकर, सौंपा गया। साईबर सेल धर्मशाला द्वारा भविष्य में भी मिसिंग मोबाइल कैंपेन जारी रहेगा।
उप मंडल देहरा के तमाम राशन डिपुओं मे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत मिलने वाली दालों से इस बार उपभोक्ता को वंचित रहना पड़ा है। यानी डिपुओं से दाले न मिलने पर हर उपभोक्ता खाद्य आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली को कोसता नजर आ रहा है। लिहाजा उपभोक्ताओं को दाले ना मिलने के कारण उन्हे बाजार से महंगे दामों पर बाजार से खरीदारी करनी पड़ रही है। इससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। हालांकि दालों की सप्लाई डिपो में सुचारू करने को लेकर उच्च स्तर पर प्रक्रिया अपनाई जा रही है जिससे उम्मीद लगाई जा रही है कि जल्द ही उपभोक्ताओं को दालें मिलेगी इस बार उपभोक्ताओं को मात्र आटा चावल तेल चीनी ही मिल पाया है। वहीं दालें न मिलने पर हर कोई निऱाश नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाली दालों के दाम और बाजार के दामों में काफी अंतर है डिपो में डालें मिलने के चलते लोगों को बड़ी राहत मिलती है। उप मंडल के हजारों राशन कार्ड धारकों को मजबूरी में ही बाजार में महंगी दालें खरीदनी पड़ेगी। डिपुओं में दालें जल्द से जल्द उपलब्ध करवाई जाएगी वहीं विभाग को इस संदर्भ में जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने को कहा जाएगा, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
पिछले करीब तीन वर्षों से लगातार प्राचार्य के बिना चल रहे रक्कड़ कॉलेज को आखिरकार प्रदेश शिक्षा निदेशालय द्वारा तैनाती दे दी है। डिग्री कॉलेज रक्कड़ में प्रोफेसर पंकज सूद ने कार्यभार संभाल लिया है। इससे पूर्व पंकज सूद पालमपुर में फिजिक्स के प्रोफेसर थे। प्राचार्य पद पर पदोन्नति मिलने पर इन्हें रक्कड़ नियुक्ति दी गई है। रक्कड़ में प्राचार्य के पद लगभग तीन साल से रिक्त चले हुए थे। रक्कड़ कॉलेज में प्राचार्य की नियुक्ति होने पर कॉलेज के पीटीए प्रधान प्रदीप ठाकुर सहित कमेटी के अन्य सदस्यों औऱ अभिभावकों ने प्राचार्य की नियुक्ति होने पर प्रदेश पूर्व कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र मनकोटिया व मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू का आभार व्यक्त किया है।
सदवां स्थित लोटस इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने कुछ दिन पहले हुए साइंस ओलंपियाड में भाग लिया था, जिसका परिणाम स्कूल में शुक्रवार को घोषित किया गया। इसमें लोटस स्कूल के एक विद्यार्थी ने सिल्वर मेडल और एक विद्यार्थी ने कांस्य पदक जीतकर स्कूल का नाम रोशन किया है। वहीं दूसरी ओर स्कूल के कुछ विद्यार्थियों ने अंग्रेजी और गणित ओलंपियाड के दूसरे चरण में भाग लिया था, जहां स्कूल के विद्यार्थियों ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया है। स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने सभी विजेता विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाण पत्र से नवाजा। अंत में प्रधानाचार्य ने स्कूल के सभी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्कूल इस तरह की परीक्षा भविष्य में भी करवाता रहेगा। सभी विद्यार्थियों को बढ़-चढ़कर ऐसी परीक्षाओं में भाग लेना चाहिए ताकि पढ़ाई से हटकर विद्यार्थी कुछ और अलग और अच्छा सीख सके।
पुलिस चौकी कंदरोड़ी के अंतर्गत पड़ते बाड़ी-पठानकोट रेलवे ट्रैक पर देर रात ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मौत इतनी दर्दनाक हुई है कि मृत व्यक्ति का सिर पूरे तरीके से कुचला गया है, लेकिन मुंह का कुछ हिस्सा पहचानने लायक है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस चौकी कंदरोड़ी के प्रभारी विक्रमजीत सिंह को दी तो वे तुरंत हेड कांस्टेबल पवन कुमार व कांस्टेबल विनोद कुमार सहित मौके पर पहुंचे। उन्हें मृतक की जेब से कोई पहचान पत्र नहीं मिल पाया है, जिससे अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि मृत व्यक्ति की उम्र लगभग 28 से 30 वर्ष है। उन्होंने बताया कि मृत शरीर को पोस्टमॉटम के लिए नूरपुर सिविल अस्पताल में ले जाया गया है, जहां उसका पोस्टमॉटम करवाया जाएगा और उसके बाद शिनाख्त के लिए 36 घंटे मोर्चरी में रखा जाएगा।
मत्स्य विभाग हिमाचल प्रदेश के चेयरमैन नरदेव कंवर एवं पुष्पिंदर ठाकुर निदेशक खाद्य एवम आपूर्ति विभाग हिमाचल प्रदेश की उपस्थिति में वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता जय प्रकाश वालिया और शहीद बजिंदर सिंह की याद में उनके बड़े भाई विजय सिंह ने एक लाख की धन राशि मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में भेंट की है।
आजादी के रणबांकुरों के इतिहास से रू-ब-रू होगी युवा पीढ़ी सरकार स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि पर्यटन विभाग के माध्यम से धर्मशाला के दाड़ी में शहीद मेजर दुर्गा मल-कैप्टन दल बहादुर थापा की स्मृति में भव्य संग्रहालय निर्मित किया जाएगा ताकि स्वतंत्रता सेनानियों की यादों को संजोया जा सके और युवाओं को भी आजादी के रणबांकुरों के इतिहास के बारे में जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि संग्रहालय के निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। शुक्रवार को पर्यटन निगम के अध्यक्ष केबिनेट रैंक आरएस बाली ने दाड़ी में शहीद मेजर दुर्गा मल-कैप्टन दल बहादुर थापा स्मृति मंच की ओर से आयोजित शहीदी दिवस में बतौर मुख्यातिथि अपने संबोधन में कहा कि हिमाचल वीर भूमि रही है, आजादी के संघर्ष में हिमाचल के वीर सपूतों का अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि देश की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखने के लिए सेना में कांगड़ा जिला के वीर जवानों अमर शहीद मेजर सोमनाथ, कैप्टन विक्रम बतरा, मेजर सुधीर वालिया, कैप्टन सौरभ कालिया, और ब्रिगेडियर शेरजंग थापा जैसे वीरों के बलिदान की एक लंबी फेहरिस्त है जिसे देश कभी नहीं भुलाया सकता है। राष्ट्र गान की धुन के रचयिता कैप्टन राम सिंह की जन्म भूमि का गौरव भी कांगड़ा जिला को हासिल है। कांगड़ा जिला महान स्वतंत्रता सेनानी पहाड़ी गांधी बाबा कांशी राम की भी जन्म स्थली है जिन्होंने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का प्रवास कर आजादी की अलख जगाई है। स्वतंत्रता सेनानियों तथा सैनिकों, पूर्व सैनिकों के लिए चलाई है कई योजनाएं उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी स्वतंत्रता सेनानियों प्रदेश सरकार स्वतंत्रता सेनानियों, उनके आश्रितों, सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारजनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार द्वारा स्वाधीनता सेनानियों तथा स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की पत्नियों को 15 हज़ार रुपये व उनकी अविवाहित बेटियों को 10 हज़ार रुपये हर माह प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की बेटियों के विवाह के लिए 51 हज़ार रुपये तथा पोतियों के विवाह के लिए 21 हज़ार रुपये की आर्थिक मदद का प्रावधान किया गया है। स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को सरकारी और अर्द्धसरकारी सेवा में दो प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। प्रदेश में परमवीर चक्र और अशोक चक्र विजेताओं को तीन लाख रुपये तथा महावीर चक्र व कीर्ति चक्र विजेताओं को दो लाख रुपये की सालाना राशि दी जा रही है। वीर चक्र तथा शौर्य चक्र विजेताओं को एक लाख रुपये सालाना दिए जा रहे हैं। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि ले जनरल रामपाल ने कहा कि शहीद मेजर दुर्गा मल तथा कैप्टन दल बहादुर का आजादी की लड़ाई में अतुलनीय योगदान रहा है इनकी जीवन यात्रा सब के लिए प्रेरणा की स्रोत है। इस अवसर पर पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी तथा पार्षद सविता कार्की ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इससे पहले स्मृति मंच के अध्यक्ष कर्नल एमएस कार्की ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए स्मृति मंच की कार्य योजना की जानकारी दी। इस अवसर पर खाद्य आपूर्ति निगम के निदेशक पुनित मल्ली, पार्षद नीनू शर्मा, पार्षद अनुराग, पार्षद रजनी, पार्षद सुषमा रंधावा सहित स्मृति मंच के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश सरकार ने दो बच्चों की संख्या वाले 143 स्कूल डि नोटिफाई किए हैं। प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने 117 प्राथमिक विद्यायल और 26 माध्यमिक विद्यालय बंद किए जाने को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं। बिलासपुर जिले में 6, चंबा में 8, हमीरपुर में 4, कांगड़ा में 17, किन्नौर में 5, कुल्लू में 4, लाहौल-स्पीति में 19, मंडी में 18, शिमला में 25, सिरमौर में 3, सोलन में 7 और ऊना में 1 प्राथमिक विद्यालय डि नोटिफाई किया गया है। चंबा जिले में 2, कांगड़ा में 3, किन्नौर में 2, लाहौल-स्पीति में 7, मडी में 5, शिमला में 6 और सिरमौर में 1 माध्यमिक विद्यालय डि नोटिफाई किया गया है। वहीं विद्यार्थियों की संख्या बढऩे पर हिमाचल सरकार ने बंद किए 20 स्कूलों को दोबारा खोलने की अधिसूचना जारी की है। चंबा, कांगड़ा, शिमला, सिरमौर, सोलन और मंडी जिले में ये स्कूल दोबारा खोले गए हैं।
पुलिस थाना खुंडिया के अंतर्गत एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय शिशन पुत्र मुन्ना लाल निवासी सरोड़ी, अंगतपुर, थाना मीरगंज, जिला बरेली यूपी किराये के कमरे में रहता था, कमरे में ही करंट लगने से उसकी मौत हो गई। वह खुंडिया में रेहड़ी लगाकर अपना जीवन यापन करता था। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के बयान दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर आगामी पोस्टमार्टम हेतु शव को सिविल अस्पताल देहरा भेजा दिया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर अगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में आईसीसी वनडे क्रिकेट विश्वकप के मैचों के लिए टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुक्रवार से शुरू हो गई। क्रिकेट प्रेमी नॉन इंडिया मैचों के टिकट बुक माई शो वेबसाइट पर बुक कर सकते हैं। सबसे सस्ता टिकट एक हजार रुपये का रहेगा, जबकि सबसे महंगा टिकट साढ़े 12 हजार का होगा। आईसीसी की ओर भारतीय टीम के मैचों के टिकटों के दाम अभी तय नहीं किए गए हैं। धर्मशाला में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 22 अक्तूबर को खेले जाने मैच का सबसे सस्ता टिकट 1500 रुपये का रहेगा। आईसीसी ने भारत में हो रहे वनडे क्रिकेट विश्व के टिकटों की बिक्री का जिम्मा बुक माई शो कंपनी का दिया है। धर्मशाला में होने वाले पांच में से चार मैच विदेशी टीमों के बीच खेले जाएंगे। नॉन इंडिया मैच के टिकटों के दाम मैदान में कॉरपोरेट बॉक्स के अलावा 14 स्टैंड हैं, जिन्हें आठ भागों में बांटा गया है। 1000 रुपये के सबसे सस्ते टिकटों के दो स्टैंड हैं। इसके अलावा 1250 रुपये के दाम वाले टिकटों के तीन स्टैंड रखे गए हैं। आईसीसी को ओर टिकटों के 1,000, 1,250, 2,500, 4,500, 5,500, 7,500, 10 हजार और साढ़े 12 हजार दाम तय किए गए हैं। वहीं, एक टिकट की बुकिंग पर 7 फीसदी तक फीस भी देनी होगी। अभी तक भारतीय टीम के मैचों के टिकटों के दाम आईसीसी ने तय नहीं किए हैं। भारतीय टीम के धर्मशाला में होने वाले मैच के टिकटों की बिक्री एक सितंबर से शुरू होगी। एचपीसीए के सचिव अवनीश परमार ने बताया कि आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के नॉन इंडिया मैच के टिकटों की शुक्रवार से ऑनलाइन बिक्री शुरू हो जाएगी। भारतीय टीम के मैच के टिकटों की बिक्री एक सितंबर से होगी। नॉन इंडिया मैच के टिकटों के दाम 1,000, 1,250, 2,500, 4,500, 5,500, 7,500, 10 हजार और साढ़े 12 हजार रुपये रहेंगे। धर्मशाला में पहला मैच सात अक्तूबर को बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच खेला जाएगा। अन्य मैच 10, 17, 22 और 28 अक्तूबर को होंगे।
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के 6,000 से अधिक पद भरने के लिए अक्तूबर से भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। राज्य सचिवालय में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि नया भर्ती आयोग गठित होते ही शिक्षा विभाग भर्तियां शुरू करेगा। प्रारंभिक शिक्षा विभाग में 5,300 और उच्च शिक्षा विभाग में 1,000 पद भरे जाएंगे। प्रदेश कैबिनेट ने इन पदों को भरने के लिए पहले ही मंजूरी दे दी है। शिक्षा मंत्री ने कहा है विभाग अपने स्तर पर भी प्रयास कर रहा है कि रिक्त पद जल्द भरे जाएं। पदोन्नति और बैचवाइज आधार पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। पांच वर्ष बाद नियमित प्रिंसिपल कॉलेजों में पदोन्नत कर दिए गए हैं। अन्य श्रेणियों के शिक्षकों के पद पदोन्नति से भरे जा रहे हैं। बैचवाइज आधार पर भी जिला शिक्षा अधिकारी भर्तियां कर रहे हैं। बीते दिनों ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश में भर्तियां करने के लिए नया आयोग गठित करने की बात कही है। इसके लिए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी दीपक सानन की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है। कमेटी अक्तूबर में अपनी रिपोर्ट देगी। इस रिपोर्ट के मिलते ही नया भर्ती आयोग गठित किया जाएगा। पेपर लीक मामले में भंग किए गए हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग की जगह नया भर्ती आयोग बनाया जाना है।
शाहपुर के विधायक नरेटी में भारी बारिश से हुए नुकसान का लिया जायजा विधायक केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर विस क्षेत्र के नरेटी में भारी बरसात से हुए नुक्सान का जायजा लिया तथा प्रभावित परिवारों को दस-दस हजार की फौरी राहत एवं राशन किट्स उपलब्ध करवाई गई। उपमंडल प्रशासन को प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए उचित कदम उठाने के दिशा निर्देश भी दिए गए। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि नरेटी के पुरूषोतम चंद तथा जोगिंद्र सिंह के मकान भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गए थे जिन्हें फौरी राहत सरकार की ओर से दी गई है तथा इनके पुनर्वास के लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र शाहपुर की जनता मेरा परिवार है मैं अपने परिवार के साथ दु:खद घड़ी में हमेशा खड़ा रहूंगा। हिमाचल में इतनी बड़ी त्रासदी हुई जिसमें मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिन रात करके प्रदेश की जनता के साथ प्रभावित लोगों के साथ मौके पर खड़े दिखे जिसके चलते ही वर्ल्ड बैंक के बाद अब नीति आयोग ने भी राज्य में आपदा की स्थिति से प्रभावशाली तरीके से निपटने में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल प्रबंधन की सराहना की है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन के. बेरी ने एक पत्र के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की सराहना की। पत्र में कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश सरकार, आपदा प्रबंधन टीमों सहित अन्य सभी हितधारक, जरूरतमंदों को राहत प्रदान करने के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राज्य में आपदा के डे वन से ही प्रभावित क्षेत्रों में राहत तथा पुनर्वास कार्यों का स्वयं मॉनिटरिंग की तथा आपदा प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए यथासंभव मदद उपलब्ध करवाई यही नहीं राहत मैन्युअल में मुआवजा राशि भी पांच से दस गुणा तक बढ़ा कर आपदा प्रभावितों को राहत प्रदान की गई है। इस अवसर पर एसडीएम करतार चंद, तहसीलदार राकेश कुमार, खंड विकास अधिकारी कंवर सिंह, ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजीत राणा, महासचिव प्रदीप बलोरिया भी उपस्थित थे।
सीएम के कुशल प्रबंधन में राहत और पुनर्वास कार्यों में दिखाई तत्परता पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि हिमाचल प्राकृतिक आपदा से जल्द उभरेगा और पर्यटन क्षेत्र फिर से तेज गति के साथ आगे बढ़ेगा। वीरवार को मिनी सचिवालय में पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु के नेतृत्व में आपदा से निपटने के लिए तत्परता के साथ कार्य कर रही है। इस के लिए वर्ल्ड बैंक से लेकर नीति आयोग भी राज्य सरकार विशेषकर मुख्यमंत्री के आपदा से निपटने के कुशल प्रबंधन की सराहना कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलाधीशों को राहत एवं पुनर्वास के कार्यों में तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं इस के लिए नियमित तौर पर मॉनिटिरिंग भी सुनिश्चित की जा रही है ताकि हिमाचल के आम जनमानस को किसी भी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। राज्य की पहाड़ियों के दरकने को लेकर भी वैज्ञानिक रिपोर्ट होगी तैयार पर्यटन निगम के अध्यक्ष ने कहा कि बरसात के दौरान राज्य की पहाड़ियों के दरकने और भूस्खलन के कारण कई मकान ढह रहे हैं इसके साथ ही सड़कों पर भी मलबा एकत्रित हो जाता है। उन्होंने कहा कि पहाड़ों के दरकने को लेकर वैज्ञानिक रिपोर्ट तैयार करवाई जाएगी ताकि भविष्य में भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील जगहों पर मकान इत्यादि नहीं बनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा सके। अवैध खनन पर रोक के लिए सरकार गंभीरता से कर रही कार्य पर्यटन निगम के अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार ने ब्यास नदी बेसिन और उसकी सहायक नदियों में स्टोन क्रशर के प्रयोग को तुरंत प्रभाव से बंद करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान मौजूदा परिस्थितियों और कांगड़ा जिले में चक्की नदी सहित कुल्लू, मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर जिलों में ब्यास और इसकी सहायक नदियों में पारिस्थितिकी के खतरनाक परिवर्तन को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस निर्णय के अनुसार अगले आदेश तक बारहमासी और गैर-बारहमासी दोनों नालों के सभी स्टोन क्रशर के संचालन को बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत राज्य की नाजुक पारिस्थितिकी और पर्यावरण को संरक्षित करने, बस्तियों और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। हालांकि, वैध खनन के लिए को रद्द नहीं किया गया है। मिनी सचिवालय में लोगों की समस्याओं को सुनेंगे आरएस बाली पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि कांगड़ा जिला के लोगों की समस्याओं के निदान के लिए माह में एक बार मिनी सचिवालय में उपस्थित रहेंगे ताकि जन समस्याओं का त्वरित हल सुनिश्चित किया जा सके और कांगड़ा जिला के विकास को नई गति प्रदान की जा सके। इस अवसर पर पर्यटन विभाग के अधिकारियों के सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।
उपायुक्त ने क्षतिग्रस्त सड़कों तथा पेयजल योजनाओं की मांगी रिपोर्ट कांगड़ा जिला में पिछले लगातार 24 घंटे से हो रही भारी बारिश के चलते 137 लाख के प्रारंभिक नुकसान का आकलन है। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि बीस कच्चे मकान पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं जबकि पांच पक्के मकान तथा 75 कच्चे मकान आंशिक तौर पर क्षतिग्रस्त हुए हैं इसके साथ ही 75 कॉउ शेड भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। कांगड़ा उपमंडल में आईपीएच विभाग के जूनियर इंजीनियर का पेयजल योजना की मरम्मत के दौरान पानी में बह जाने की सूचना भी प्राप्त हुई है, एसडीआरएफ की टीम सर्च अभियान में जुटी है। उपायुक्त ने कहा कि प्रभावितों को फौरी राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए गए हैं इसके साथ ही प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि लोक निर्माण विभाग तथा जल शक्ति विभाग से भारी बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों तथा पेयजल, सिंचाई योजना की रिपोर्ट मांगी गई है ताकि क्षतिग्रस्त सड़कों तथा पेयजल योजनाओं की मरम्मत के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें, रिपोर्ट भेजने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों तथा पेयजल योजनाओं को दुरूस्त करने के लिए सरकार की ओर से आवश्यक बजट का प्रावधान किया जाएगा ताकि आम जनमानस को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं हो। फौरी राहत उपलब्ध करवाएं उपायुक्त ने कहा कि प्रभावितों को तुरंत प्रभाव से फौरी राहत उपलब्ध करवाने के दिशा निर्देश दिए गए हैें ताकि किसी को भी असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में लगातार जारी बारिश को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है इस बाबत उपायुक्त डा निपुण जिंदल ने उपमंडलाधिकारियों, तहसीलदारों तथा नायब तहसीलदारों को फील्ड में डटे रहने के निर्देश दिए हैं कंट्रोल रूम में दें तत्काल सूचना उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने जिला वासियों से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के टोल फ्री 1077 नंबर पर संपर्क करें। जिला मुख्यालय समेत सभी उपमंडलों में आपदा प्रबंधन केंद्र चौबीसों घंटे चालू हैं।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा में तृतीय सत्र की परीक्षा परिणाम में छात्रों का शानदार प्रदर्शन रहा। सभी प्रशिक्षु अध्यापकों ने प्रथम श्रेणी में आकर कॉलेज का नाम रोशन किया है। इसमें से 12 छात्रों ने 70से 75 प्रतिशत और 64 छात्रों ने 80 से 85 त्न एवं 24 छात्रों ने 85 से 90त्न अंक प्राप्त किए हैं। यह परीक्षा परिणाम शैक्षणिक योग्यता की सफलता को दर्शाता है। सभी बच्चों ने प्रदेश भर में प्रथम श्रेणी प्राप्त करके मिनर्वा कॉलेज का नाम रोशन किया है। इसके अलावा कोई भी विद्यार्थी किसी भी विषय में अनुत्तीर्ण नहीं है। मोनिका और डिंपी ने 88.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान व संकेतिका और अंशुल ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान तथा गीतांशु ने 87.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया है। मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष चेयरमैन जे. एस पटियाल ने सभी छात्रों और अध्यापक वर्ग को बधाई दी और कहा कि यह हमारे लिए बहुत ही गर्व की बात है कि हमारे कॉलेज के छात्रों ने हर साल की तरह अच्छे अंक प्राप्त करके प्रदेश भर में प्रथम श्रेणी प्राप्त की है। यह हमारे लिए बहुत ही सौभाग्य की बात है। मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रिंसिपल डॉ प्रशांत कुमार ने सभी विद्यार्थियों को उनके भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया और कहा कि आपको चुनौतियों का सामना करते हुए बुलंदियों को छूना है।
विधायक मलेंद्र राजन ने गुरुवार कोक बाढ़ ग्रस्त उल्लैहडियां व खानपुर क्षेत्र का दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर तहसील दार सिखा, कृषि विभाग के अधिकारी साथ उपस्थित रहे। विधायक ने आपदा ग्रस्त लोगों से उनकी उनकी समस्याओं को सुना और प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सुविधाएं तत्काल उन्हें देने के लिए प्रशासन को आदेश दिए। मौके पर कुछ शिकायतों का समाधान कर दिया गया तथा पटवारी, कानूनगो, बागवानी व कृषि अधिकारियों को बाढ़ से हो रहे किसानों की भूमि कटाव सब्जी पैदावार व बागवानी तथा पेड़ पौधों की हुई क्षति के सही आकलन करने के आदेश दिए। यह है लोगों की प्रमुख समस्या मंड क्षेत्र में बाढ़ से हो रही निरंतर तबाही के चलते उल्लैहडियां खानपुर से पानी बहाव में अपना रुख तेजी से भूमि कटाव करते हुए मंड क्षेत्र आदि नजदीकी गांवों की ओर अधिक हो जाने के कारण नए क्षेत्र में लोगों की भूमि जलमग्न होने लगी है तथा इस स्थिति में अब अगर बांध से और पानी छोड़ा जाता है तो इन उपरोक्त गांवों के लिए अधिक खतरा पैदा हो गया है। अब इसी क्षेत्र में बाढ़ का पानी जोकि बांध से कुछ दूरी पर आते ही जो पहले दो भागों में बटा हुआ था अब एक ही तरफ अधिक होने की वजह से अधिक भूमि कटाव होने के कारण जहां गांव को खतरा पैदा हुआ है। इसलिए ग्रामीणों ने एकत्रित होकर अपनी अपील प्रशासन से और राहत कार्यों के लिए लगाई है इसी के चलते विधायक ने आज प्रशासनिक अधिकारियों मंडल कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों साथ राहत कार्यों का जायजा लिया। इस अवसर पर विधायक के साथ ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर, तहसीलदार सिखा, कृषि विभाग के अधिकारी, निकटवर्ती पंचायतों के प्रधान तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
चार साल की समायरा का वो मुस्कुराता चेहरा अब कभी नहीं दिखेगा। घर के उस आंगन में हंसती खेलती समायरा अब कभी नजर नहीं आएगी। कुदरत के इस कहर ने न जाने कितने परिवारों को उजाड़ दिया है। तबाही की ये तस्वीरें जब भी जहन में आती है रूह कांप उठती है। ये त्रासदी इतने गहरे जख्म देगी इस बात का अंदेशा भी नहीं था। शिव बावड़ी का वो हादसा भुलाए नई भूलता। पल भर में मंदिर मलबे में तब्दील हो चुका था। सोमवार का वो दिन उन लोगो के लिए काल का दिन बनकर आया था जो उस दिन शिव बावड़ी मंदिर में मौजूद थे। समायरा का पूरा परिवार इस हादसे में खत्म हो चुका है। 7 लोगों का एक साथ चले जाना बेहद दुखद है और उससे भी ज़्यादा दुखद अपनों की आखिरी झलक को तरस जाना। 11 दिन बीत चुके जाने के बाद समायरा का शव आज बरामद किया गया है। 11 दिन तक वो परिवार उस नन्ही सी बेटी की आखरी झलक देखने के लिए तरस गया था। वो परिवार पूरी तरह से बिखर चुका है। इस हादसे ने वो नासूर दर्द दिया है जो शायद ही किसी के जहन से कभी जाए।
मां की नजरे अपने दुलारे बेटे का इंतजार करती रही, एक पत्नी अपने सुहाग की सलामती के लिए दिन-रात प्रार्थना करती रही और वो नन्ही बच्ची रोज पूछती थी पापा कब आएंगे। नीरज के परिवार की नजरें घटनास्थल पर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन पर थी और आस थी कि कुछ ऐसा चमत्कार हो जाए की नीरज सकुशल लौटे। दिन बीतता गया और परिवार की हिम्मत और आस्था अब जवाब दे रही थी। नीरज के सकुशल लौटने की उम्मीद दिन-व-दिन कम होते जा रही थी। 24 अगस्त को शिमला के शिव बावड़ी हादसे के घटनास्थल से नीरज का शव 11 दिन बाद मिला। हादसे वाले दिन नीरज शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए गया था, लेकिन चंद लम्हों में शिव बावड़ी मंदिर का नामोनिशान तक नहीं रहा। तबाही के उस मलबे में 20 लोगों ने अपनी जान गवां दी। जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों पर दुखो का पहाड़ टूट चूका है, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। नीरज के परिवार वालो का दु:ख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। 11 दिन तक वो परिवार इस आस में बैठा रहा की शायद नीरज वापस लौट आएंगे। हर रोज इसी उम्मीद में वो नम आंखें इंतजार में रहीं, लेकिन आज लापता नीरज ठाकुर का शव बरामद कर लिया गया है। नीरज समरहिल के रहने वाले थे। नीरज का कुल्लू में होटल का कारोबार था। इस दुखद हादसे में नीरज ठाकुर अपनी मां शांति देवी, पत्नी समा ठाकुर और बेटी सान्या को पीछे छोड़ गए हैं। पल भर में नीरज के परिवार की खुशियां खत्म हो गई है। इस आपदा ने लोगो को जो जख्म दिए हैं, वो कभी नहीं भूल सकते।
मकान नहीं, जीवन भर की पूंजी थी। वो सपनों का आशियाना था जो पल भर में तबाह हो गया। कितना दर्दनाक रहा होगा वो मंजर जब लोगों ने अपने घरों को अपनी आँखों के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखरते हुए देखा होगा। ये सोचना भी बेहद मुश्किल है। हिमाचल में आसमान से बरस रही आफत से सैकड़ों लोग बेघर हो चुके हैं। दरकते पहाड़, धंसती जमीन और टूटते मकान इस ओर इशारा कर रहे है कि हिमाचल पर ये संकट बड़ा है और ये संकट अभी टला नहीं है। आफत की बरसात ने ऐसा कोहराम मचाया है कि लोग रात को अपने घरों में चैन की नींद भी नहीं सो पा रहे हैं। 24 जून वो तारीख थी जब हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की एंट्री हुई थी। तबसे अब तक भारी बारिश का दौर जारी है। हिमाचल प्रदेश आपदा प्रबंधन की तरफ से जारी रिपोर्ट में अब तक 2220 घर पूरी तरह से जमींदोज हो चुके हैं। जबकि 11 हजार के करीब घरों में दरारें आई हैं। इसी तरह 9819 घर ऐसे है जिन्हे थोड़ा बहुत नुक्सान पहुंचा है। इस रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में बारिश और फ्लैश फ्लड में 4695 से अधिक गौशालाएं बह गई हैं। 300 से अधिक दुकानें बारिश में ढह गई हैं। भारी बारिश के कारण हिमाचल में अब तक 8 हजार 99 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। कुदरत के इस कहर के कारण अब तक 350 से अधिक लोगों की मौत भी हो चुकी है। इस आपदा से जो हिमाचल को नुक्सान पहुंचा है शायद वो कुछ वक्त के बाद सामान्य भी हो जाए, कुछ समय बाद सब वापिस पटरी पर लौट आए, लेकिन जिन लोगों ने इस त्रासदी में अपनों को खोया है वो अब कभी लौट कर नहीं आएंगे। जब भी तबाही की ये तस्वीरें जहन में आएंगी उन लोगो की आंखें फिर नम हो जाएंगी। आपदा के दिए ये जख्म सदा हरे रहेंगे।
14 अगस्त को नितिका का जन्मदिन था। हमेशा की तरह वो अपने पापा के विश करने का इंतज़ार कर रही थी। नितिका अपने पापा की फोन कॉल का इंतज़ार करते-करते थक गयी। जब उसके पापा का कॉल नहीं आया तो उसने खुद कॉल की लेकिन नंबर नहीं लगा। इसके बाद जो खबर शिमला के समरहिल से आई वो दिल दहला देने वाली थी ।यहाँ सावन की शिवरात्रि की पूजा के लिए जिस शिव बावड़ी मंदिर में सात लोगों का पूरा परिवार पूजा करने गया था, वहां लैंडस्लाइड हुआ और सभी मलबे में दब गए हैं। वो लुधियाना से तुरंत शिमला के लिए निकली। शाम को यहां पहुंचीं तो देखा कि सात में से चार परिजन उनकी मां संतोष शर्मा, भाई अमन और भाई की बेटियों नायरा और साशा के शव मलबे से निकाले जा चुके थे। सावन का छठा सोमवार और 14 अगस्त का वो दिन, नितिका अब शायद कभी नहीं भूल पाएगी। इन चार शवों को मुखाग्नि भी नितिका ने ही दी। तीसरे दिन उनके भाई अमन की पत्नी अर्चना का शव मिला, जिसका संस्कार अर्चना के भाई ने किया। परिवार में इकलौती बची नितिका का कहना है कि उसे 14 अगस्त का दिन कभी नहीं भूल सकता। पापा पवन शर्मा और भतीजी समायरा अभी भी लापता हैं। नितिका का रो रो कर बुरा हाल है। नितिका कहती है, 'वक्त बीत जायेगा, लेकिन यह जख़्म कभी नहीं भर पायेगा।Ó
हिमाचल प्रदेश में आई त्रासदी ने जो दर्द दिया है वो नासूर है। त्रासदी ने जो गहरे जख्म दिए हैं, इन जख्मों का न मरहम है और न कोई दवा और न ही आने वाला वक्त ये जख्म भर सकता है। मंडी के पड़ोह के रहने वाले नितीश भी इसी दर्द से गुजर रहे हैं। 14 अगस्त की वो सुबह नितीश के परिवार के लिए नया सवेरा नहीं, बल्कि काल का ग्रास ले आया। 14 अगस्त की सुबह लगभग 5 बजे नितीश के घर के पीछे अचानक ढेर सारा मलबा आ गया। अफरातफरी में सभी घर से बाहर निकल आए, लेकिन 6 महीने की सानिया घर के अंदर ही रह गई थी। नितेश की 18 वर्षीय पत्नी मोनिका और 17 वर्षीय बहन रविता उस दुधमुंही को बचाने के लिए घर के अंदर गई। ये दोनों यही सोचकर घर में गई कि बच्ची को उठाकर तुरंत बाहर आ जाएंगी, लेकिन होनी को कौन टाल सकता है। अचानक मलबा घर पर आ गया और तीनों घर सहित उस मलबे में दब गईं। 45 वर्षीय माता रचना देवी और 11 वर्षीय एक अन्य बहन गोपी मलबे की चपेट में आ गई और उसके साथ बहती चली गई। इतने में गांव वालों को पता चल गया और उन्होंने दोनों मां-बेटी को बाहर निकाल दिया। नितीश और उसकी एक अन्य 15 वर्षीय बहन जाह्नवी भागकर खुद को बचाने में कामयाब हो सके। मां के पांव में गंभीर चोट लग चुकी थी। पांव का इन्फेक्शन इतना बढ़ गया कि डॉक्टरों को घुटने से नीचे पांव ही काटना पड़ गया। माता हॉस्पिटल में उपचारधीन है, लेकिन अभी पत्नी, बेटी और बहन का कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिवार के इकलौते सहारे नितीश के सिर पर दुखों का पहाड़ टूटने के साथ-साथ जिम्मेदारियों का बोझ भी है। अब नितीश को समझ नहीं आ रहा कि वो अस्पताल में उपचाराधीन मां को संभाले या फिर सांबल में आकर दिन भर अपनी पत्नी, बेटी और बहन के लिए चल रहे तलाशी कार्य को देखे। नितीश पर जो दुखो का पहाड़ टूटा है उस दर्द को शब्दों में बयां करना नामुमकिन है और नामुमकिन है इस हानि की भरपाई कर पाना।
विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों-बागवानों की आय को बढ़ाने के लिए प्रयासरत है ताकि उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके। यह बात उन्होंने आज वीरवार को इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के घोडन में फ्रंटलाइन डेमोस्ट्रेशन प्लाट में पौधरोपण करने के उपरांत दी। इस मौके पर उन्होंने आम का पौधा रोपित किया। उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग द्वारा इस फ्रंटलाइन डेमोसोस्ट्रेशन प्लाट को क्लस्टर आधार पर तैयार किया जाएगा। जिसमें 25 कनाल क्षेत्र में आम की नवीनतम किस्में लगाई जाएंगी। जिनमें पूसा अरुणिमा, पूसा सूर्य, पूसा मनोहरी, पूसा लालिमा, मलिका और सिंदूरी किस्म के 1111 पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति से सम्बंध रखने वाले किसानों को विभाग द्वारा 75 फीसदी अनुदान प्रदान किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों का इस क्षेत्र में बागवानी के तहत कलस्टर आधारित गतिविधियों को बढ़ाने और आम की नवीनतम फसलें तैयार करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से बागवानी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने व समय-समय पर जागरूकता शिविरों का आयोजन करने को कहा, ताकि किसानों को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से कृषि व बागवानी करने की नवीनतम जानकारी मिल सके। इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी इंदौरा डॉ सुरेंद्र ठाकुर, विषयवाद विशेषज्ञ उद्यान, नूरपुर डॉ. हितेंद्र पटियाल, उद्यान विकास अधिकारी जोगिंदर सिंह, उद्यान प्रबंधक इंदौरा सुनीता पठानिया, उद्यान प्रसार अधिकारी सोम राज, ब्लॉक कांग्रेस प्रधान देवेंद्र सिंह मनकोटिया, पंचायत प्रधान यशपाल सहित किसान मौजूद रहे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने कहा है कि धर्मशाला, मकलोडगंज और पालमपुर सरीखे पर्यटक स्थलों में सैलानी बेझिझक आ सकते हैं। कांगड़ा जिला के पर्यटक स्थलों में हालात सामान्य हैं। यहां जारी बयान में सुधीर शर्मा ने कहा कि अकेले धर्मशाला और मकलोडगंज क्षेत्र में करीब 500 होटल पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने में तत्पर हैं। सुधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल को लेकर कई तरह के वीडियो वायरल हो रहे हैं। यह चिंता का विषय है। इससे प्रदेश की छवि खराब होती है। सुधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल में पर्यटन उद्योग आय का मुख्य साधन है। बेशक इस बार भयंकर बरसात ने कई सडक़ें और भवन बहाए हैं, लेकिन प्रदेश को लेकर वीडियो वायरल करके जिस तरह की छवि बनाई जा रही है, वह गलत बात है। उन्होंने कहा कि शिमला, कुल्लू, मंडी, हमीरपुर व कांगड़ा आदि जिलों में बरसात से नुकसान तो हुआ है, लेकिन जैसी तस्वीर बनाई जा रही है, वह बेहद गलत है। ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।सुधीर शर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में धर्मशाला में विश्व कप के पांच मैच होंगे। इससे पर्यटन उद्योग को फिर से बल मिलेगा। मौजूदा समय में धर्मशाला स्टेडियम में दुनिया भर से सैलानी आते हैं। इसी तरह प्रदेश का मुख्य हवाई अड्डा गगल भी व्यस्त रहता है। मकलोडगंज में बौद्ध धर्मगुरु दलाईलामा के होने से यह प्रदेश का प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल बन गया है। उन्होंने कहा कि वह होटल समेत अन्य टूरिज्म इंडस्ट्री की समस्याओं से अवगत हैं। प्रदेश सरकार के समक्ष पर्यटन का मसला गंभीरता से रखा जा रहा है। सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला की सडक़ों की बात करें,तो यहां इक्का दुक्का बारिश से नुकसान हुए हैं, जिन्हें समय रहते बहाल किया जा रहा है। सुधीर शर्मा ने कहा कि बनखंडी में विश्व स्तरीय चिडिय़ाघर बन रहा है। वहीं पौंग झील में भी कई तरह के वाटर स्पोर्ट्स शुरू किए जा रहे हैं। जिला में फोरलेन, आईटी पार्क, हवाई अड्डा विस्तारीकरण के अलावा धर्मशाला में स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्टों पर काम चल रहा है। सुधीर शर्मा ने कहा कि स्मार्ट सिटी के इस समय 50 प्रोजेक्ट किसी न किसी चरण में चल रहे हैं। प्रोजेक्टों में कार्यरत कंपनियों के नुमाइंदों को तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को बरसात में शहर में व्यवस्था बनाए रखने को कहा है। सुधीर शर्मा ने कहा कि बरसात में शहरी और ग्रामीण एरिया में हुए नुकसान का आकलन करवाया जा रहा है। धर्मशाला के एसडीएम, बीडीओ, तहसीलदार आदि को मौके पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। सुधीर शर्मा ने लोगों से आह्वन किया है कि वे खड्ड-नालों के किनारे न जाएं। अभी बरसात में खड्डों का पानी बढ़ा है। सुधीर शर्मा ने कहा कि अभी हमें एहतियात बरतनी चाहिए। 12 नए मैदान बन रहे मौजूदा समय में सुधीर शर्मा ने धर्मशाला के गांवों में 12 नए प्ले ग्राउंड बनाने का टारगेट लिया है। नाबार्ड के तहत 5 बड़ी सडक़ों का काम चल रहा है। पास्सू में 12 जुलाई 2021 को बही सडक़ काम तेज हुआ है। पास्सू में ही एक पुल पूरा हो चुका है। सब्जी मंडी और ओबीसी भवन का काम तेज हुआ है। मांझी खड्ड के तटीकरण का काम चल रहा है। मकलोडगंज से सटे गांवों को लिंक रोड बन रहे हंै। धर्मशाला मे ग्रीन स्पेस बढ़ाया जा रहा है। सुधीर शर्मा के प्रयासों धर्मशाला इवेंट कैपिटल बनी है। यही कारण है कि यहांं मुख्य सचिव, जी-20 व महिला सांसदों के बड़े इवेंट हुए हैं।
दी ग्रीन वैली गुडस कैरियर को-ऑपरेटिव ट्रांसपोर्ट सोसाइटी संसारपुर टैरस के उप प्रधान राकेश कुमार व सचिव हरमिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री राहत कोष में एक लाख रुपये का अंशदान किया है। उन्होंने कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह मनकोटिया की मौजूदगी में एक लाख रुपये की राशि का चेक मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भेंट किया है। सुरेेंद्र सिंह मनकोटिया ने कहा कि इसके अलावा जसवां परागपुर विधानसभा के अलग-अलग हिस्सों में हुए नुकसान के बारे में भी मुख्यमंत्री को अवगत करवाया गया। उन्होंने कहा कि इस दौरान जिन लोगों का नुकसान हुआ है, उन्हें डीसी कांगड़ा व स्वयं की तरफ से भी सहायता राशि उपलब्ध करवाई जा रही है। इस दौरान अरुण कुमार, वरिंद्र सिंह बिल्लू, राजीव कुमार काका, संजीव कुमार व रविंद्र सिंह बिट्टू भी मौजूद रहे।
भारत के चंद्रयान-3 उपग्रह के विक्रम लैंडर की चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग के साथ ही इतिहास के पन्नों में प्रदेश के कांगड़ा जिले का भी नाम जुड़ गया है। कांगड़ा जिले के रजत अवस्थी पुत्र धनी राम अवस्थी और डॉ. अनुज चौधरी पुत्र अमर सिंह चंद्रयान-3 को पृथ्वी की कक्षा में पहुंचाने वाले रॉकेट की कंट्रोलिंग कर इस मिशन का हिस्सा बने हैं। रजत अवस्थी इसरो में 2012 से सेवाएं दे रहे हैं। अवस्थी का जन्म 1989 को सेवानिवृत्त बीडीओ धनी राम अवस्थी के घर में हुआ है। पढ़ने में होशियार रजत की दसवीं कक्षा तक की पढ़ाई सिद्धपुर के सेक्रेट हार्ट स्कूल में हुई है। 12वीं करने के बाद रजत ने स्पेस साइंस में बीटेक की पढ़ाई की और 2012 में इसरो में सेवाएं देने के लिए चुने गए। वहीं, दो साल की सेवाओं के दौरान 2014 में उन्हें इसरो में टीम एक्सीलेंसी अवार्ड से सम्मानित किया गया है। चंद्रयान-3 मिशन से पहले रजत मंगलयान और चंद्रयान-2 का भी हिस्सा रह चुके हैं। उनके पिता धनीराम अवस्थी ने कहा कि गौरव की बात है कि उनके बेटे ने चंद्रयान मिशन का हिस्सा बनकर प्रदेश के साथ अपने जिले का नाम रोशन किया है। वहीं, 27 साल के डॉ. अनुज चौधरी की पढ़ाई सरकारी स्कूल में हुई है। पहली से लेकर आठवीं तक अनुज गांव के ही मिडिल स्कूल जंदराह में पढ़े हैं, जबकि नवमी तथा मैट्रिक बाबा बड़ोह में करने के बाद बारहवीं की परीक्षा ग्रीन फील्ड स्कूल नगरोटा बगवां से पास की। बचपन से ही अंतरिक्ष वैज्ञानिक बनने का सपना लिए अनुज ने मास्टर आफ साइंस की डिग्री स्टैनफर्ड यूनिवर्सिटी से की, जबकि पेनसिलवेनिया विश्वविद्यालय से एमबीए किया। अनुज चौधरी ने अमेरिका में एमआईटी से पीएचडी की है, जहां से अंतरिक्ष शोध की चाहत के चलते उन्होंने यूरोपियन स्पेस एजेंसी में सिलेक्शन के लिए एग्जाम दिया था। अनुज ने इस एजेंसी में 12वें रैंक के साथ अपनी जगह पक्की की थी। अनुज के पिता दिल्ली में अकाउंटेंट हैं, जबकि उनकी माता सरिता देवी गृहिणी हैं। अपने बेटे की इस उपलब्धि पर उनकी माता ने गर्व महसूस करते हुए बताया है कि देश को गौरव दिलाने वाले इस बड़े अभियान में उनका बेटा भी शामिल रहा है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे को बचपन से ही साइंटिस्ट बनने का शौक था। इसे उन्होंने पूरा कर अपने माता-पिता के साथ देश और क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है।
जलशक्ति विभाग के अनुभाग दौलतपुर के एक जेई के खड्ड में बह जाने का समाचार प्राप्त हुआ है। जानकारी के अनुसार राजेश कुमार निवासी गांव सोहड़ा (कांगड़ा) पानी की सप्लाई सुचारू करने के लिए सुबह लगभग 10 बजे के जलाड़ी के पास डिब्बा में बनेर खड्ड में गये थे कि वहां उनका पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाब में बह गए उनके साथियों ने बहुत कोशिश की, लेकिन पानी का बहाब ज्यादा होने के कारण उनका कुछ पता नहीं चला। डीएसपी कांगड़ा मदन धीमान ने खबर की पुष्टि की है।
विधानसभा क्षेत्र जवाली के अधीन कोटला पंचायत के बाशिंदों ने बुधवार का दिन मूसलाधार बारिश के चलते सडक़ किनारे खड़े होकर गुजारा तथा रात को भी कोटला के बाशिंदे प्रशासन द्वारा बनाए गए राहत शिविरों में ठहरे तथा वहां पर ही भोजन किया। कुछ लोग तो अपने-अपने रिश्तेदारों के घर चले गए थे, जो कि सुबह वापस अपने घर पहुंचे। नन्हें बच्चे पूरी रात बिलखते रहे तथा बाशिंदे बारिश में भी पल-पल दरकती पहाड़ी की तरफ देखते रहे। रात को कोई भी कोटला का बाशिंदा अपने घर वापस नहीं गया। गुरुवार सुबह लोग राहत शिविरों से उठकर अपने-अपने घरों को गए। रास्तों-गलियों में कीचड़ भरा होने के कारण लोगों को अपने घरों तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पहले रास्तों व गलियों से मलबा को हटाया गया तथा वहां पर रुके हुए पानी को निकाला गया। मलबा हटाने में जेसीबी की भी मदद ली गई। लोग अपने-अपने घरों में घुसे मलबे को देखकर तथा मकान के नुकसान को देखकर फूट-फूट कर रोए। लोग घरों में पहुंचकर मकानों के साथ लगे मलबे व कमरों में घुसे मलबे को हटाने में जुट गए। पूरा दिन लोग मलबे को हटाते रहे तथा मलबे में दब चुके सामान को निकालते रहे। कपड़े-शूज इत्यादि मलबे में दब गए हैं। मलबे में लोगों के बैड, खाने-पीने की सामग्री सहित फ्रिज-एलईडी-वाशिंग मशीन, कूलर इत्यादि दब चुके हैं और टूट गए हैं।


















































