कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो0चंद्र कुमार ने बताया कि बनोली- डुगलू-वासा-कोठा-हरनेरा सड़क का निर्माण नाबार्ड के तहत किया जाएगा। यह जानकारी उन्होंने बुधवार को ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की बनोली खास पंचायत में जनसभा को सम्बोधित करते हुए दी । उन्होंने बताया कि साढ़े नौ किलोमीटर लम्बी इस सड़क के निर्माण पर लगभग 8 करोड़ 25 लाख रुपए व्यय किये जायेंगे। जिसकी टेंडरिंग प्रक्रिया इस माह में पूरी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि तीन किलोमीटर लंबे बरोह-बनोली-चचियां-मस्तगढ़ सड़क का निर्माण प्राथमिकता पर किया जाएगा। जिसका एफआरए का मामला मंजूरी हेतु भेजा गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की लगभग 95 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है। प्रदेश सरकार इन क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क की मजबूती के साथ अन्य विकास कार्यों को विशेष तरजीह दे रही है। कृषि मंत्री ने कहा कि नई सरकार से लोगों को काफ़ी अपेक्षाएं रहती हैं तथा प्रदेश सरकार उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि धन के अभाव में गरीब तबके के बच्चे उच्च शिक्षा लेने से बंचित रह जाते हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सूक्खु ने बजट में ऐसे बच्चों की उच्च शिक्षा के सपने को साकार करने के लिए "मुख्यमंत्री विद्यार्थी कल्याण" योजना की घोषणा की है। जिसके तहत गरीब परिवार के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए एक प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी पात्र महिलाओं को पेंशन देने का वादा पूरा करेगी और प्रथम चरण में 2.31 लाख महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि पशुपालन व्यवसाय को लाभप्रद बनाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बजट में "हिम गंगा" योजना की घोषणा की है। इस योजना के प्रभावी कार्यन्वयन के लिए शराब की प्रत्येक बोतल पर 10 रुपए का सेस लगाया गया है। उन्होंने कहा कि गांवों में डेयरी फार्मिंग व्यवसाय को सुदृढ़ किया जाएगा। जिसके लिए गांवों में महिला समितियों का गठन करने के साथ दूध की खरीद के लिए विशेष प्रबन्ध किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षण संस्थानों में बच्चों को संस्कारयुक्त तथा गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध करवाने के साथ स्कूलों के ढांचागत विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने सरकारी स्कूलों में बच्चों की घटती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे कई स्कूल बंद हो जाएंगे। उन्होंने लोगों से सरकारी स्कूलों में अपने बच्चों को दाखिल करवाने पर बल दिया। उन्होंने बनोली क्षेत्र में पानी की कमी को दूर करने के लिए विभागीय अधिकारियों को बड़ी क्षमता का अतिरिक्त भंडारण टैंक बनाने के लिए शीघ्र आंकलन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंढोल-चचियां-राजा का तालाब सड़क के शेष कार्य को पूरा करने के लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को नया पीएचसी खोलने सहित क्षेत्र में सड़कों के निर्माण व उचित रखरखाब का भरोसा भी दिया। उन्होंने इस मौके पर जनसमस्याओं को सुनते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। इससे पूर्व, कृषि मंत्री का पंचायत में पहुंचने पर स्थानीय लोगों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर एसडीएम मोहिंद्र प्रताप सिंह, उपनिदेशक(कृषि ) राहुल कटोच, बीडीओ फतेहपुर निशी महाजन, उपमंडलीय भू-सरंक्षण अधिकारी राकेश पटियाल, पंचायती राज ज़िला अध्यक्ष मनमोहन सिंह, कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी, बनोली खास पंचायत की प्रधान शोभा देवी, पूर्व प्रधान सतपाल, पूर्व बीडीसी सदस्य नरेंद्र मनकोटिया,कांग्रेस कार्यकर्ता नरेश कुमार, केवल सिंह,मुंशी राम सहित पंचायत प्रतिनिधि, विभागों के अधिकारी व अन्य लोग उपस्थित रहे।
राज्य बेरोजगार लाइब्रेरियन संघ हिमाचल प्रदेश के पदाधिकारियों ने हिमाचल सरकार पर निशाना साधा है। इन पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले बीस वर्षों से शिक्षा विभाग ने उनके लिए किसी भी भर्ती का आयोजन नहीं करवाया है। संघ ने यह भी सवाल किया है कि जब शिक्षा विभाग द्वारा लाइब्रेरियन का नाम बदला गया तो उस समय आर एंड पी रूल्स क्यो नहीं बनाए गए। संघ का कहना है कि सरकार ने 25 हजार बेरोजगार लाइब्रेरियनो का भविष्य अंधकार में धकेल दिया है । इनका कहना है कि जहाँ खुद शिक्षा विभाग के कर्मचारी 1 लाख तक वेतन ले रहे हैं वहीं बेरोज़गारों के साथ अन्याय किया जा रहा है। संघ ने कहा कि क्या आर एंड पी नियम बनाने में 5 साल लगते हैं। 2019 में लाइब्रेरियन को पदो को डाइंग केडर में डाला गया। सरकार को पद सृजत करने चाहिए थे मगर इनको खत्म किया जा रहा है। उन्होंने कहा की लाइब्रेरी के लिए काफी बजट सेंटर से आता है। यदि स्कूलों में लाइब्रेरियन दी नहीं है तो वह बजट जाता कहां है। संघ ने सरकार से आग्रह किया है कि इन पदों की नोटिफिकेशन जल्द की जाए।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना की रफ़्तार लगातार बढ़ती जा रही है। संक्रमण के आंकड़ों में हर दिन बढ़ोतरी हो रही है। वहीं, कोरोना की संक्रमण दर भी अब आठ प्रतिशत को पार कर चुकी है। बीते कल को स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रदेश भर में कुल 5226 लोगों के सैंपल लिए थे। इनमें से 422 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जबकि दो लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इनमें एक मौत ऊना और एक मौत कुल्लू जिला में हुई है। कोरोना के नए मामले कोरोना वायरस के नए मामलों में बिलासपुर जिला में 30, चंबा में 10, हमीरपुर में 71, कांगड़ा में 126, किन्नौर में सात, कुल्लू में आठ, लाहुल-स्पीति में आठ, मंडी में 85, शिमला में 23, सिरमौर में 21, सोलन में 20 और ऊना जिला में 14 नए मामले आए हैं। इन मामलों के साथ ही प्रदेश में कोरोना के एक्टिव केस 1762 हो चुके हैं, जबकि संक्रमण दर प्रदेश में 8.7 प्रतिशत हो चुकी है। कोरोना का संक्रमण मंडी, हमीरपुर और कांगड़ा जिला में सबसे ज्यादा है। एक्टिव केस की बात करें तो कांगड़ा जिला में 394, बिलासपुर में 143, चंबा में 171, हमीरपुर में 314, कांगड़ा में 392, किन्नौर में 26, कुल्लू में 60, लाहुल-स्पीति में 20, मंडी में 315, शिमला में 136, सिरमौर में 112, सोलन में 117 और ऊना में 56 एक्टिव केस है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए कोविड प्रोटोकॉल का पालन करे।
विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में आज जिला स्तरीय विश्व स्वास्थ्य दिवस मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा के सौजन्य से प्राइमरी हेल्थ सेंटर चडी में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस विश्व स्वास्थ्य दिवस का थीम 'हेल्थ फॉर ऑल' सभी के लिए स्वास्थ्य है। इसका मतलब है कि सभी के लिए उत्तम गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध हों। स्वास्थ्य का मतलब बीमारी का न होना ही नहीं है, बल्कि हमारा शारीरिक, मानसिक, सामाजिक स्वास्थ्य भी ठीक हो, इस सबके लिए हमें अपने खानपान अपनी दिनचर्या तथा अपने सामाजिक संबंधों के ऊपर विशेष ध्यान देना होगा। वहीं जिला चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉक्टर विक्रम कटोच ने बताया कि आजकल गैर संक्रामक रोग जैसे कि शुगर, बीपी, कैंसर आदि बहुत तेजी से व्यक्ति को अपनी चपेट में ले रहे हैं। इसका कारण हमारा गलत खानपान तथा अनियमित जीवन शैली है। इन सब से बचाव के लिए हमारा जागरूक होना बहुत जरूरी है। हमें संतुलित आहार लेने के साथ व्यायाम को अपने जीवन का एक हिस्सा बनाना चाहिए। इस मौके पर प्राइमरी हेल्थ सेंटर चडी का सारा स्टाफ भी उपस्थित रहा।
खंड परागपुर कांगड़ा पेंशनर संघ की बैठक मंगलवार को पीरस्लुही में संपन्न हुई, जिसमें लगभग 50 सदस्यों ने भाग लिया। इसमें 31- 12- 2015 के बाद पेंशनर को नए वेतनमान के अनुसार पेंशन और भत्ते देने, सभी पेंशनर्स को एक ही किस्त में बकाया भुगतान करने, हर 2 वर्ष बाद एलटीसी प्रदान करना इत्यादि मांगों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में खंड प्रधान जगजीत पाल ने मौके पर पेंशनर्स की कई समस्याओं निपटारा कर दिया।
प्रदेश के जिला कांगड़ा में चंगर क्षेत्र की 15 पंचायतों को जोड़ने के लिए बनेर खड्ड पर बनाया जा रहा पुल गिर गया है। कांगड़ा लोक निर्माण मंडल के तहत आने वाले क्षेत्र हार जलाड़ी को नंदरुल से जोड़ने के लिए ब्रिज बन रहा था, जिसके गिरने से हड़कंप मच गया है। कांगड़ा के विधायक पवन काजल ने पुल के गिरने पर चिंता जताते हुए कहा कि लापरवाह अधिकारी और ठेकेदार के विरुद्ध सरकार को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। MLA प्राथमिकता के आधार पर इस पुल का निर्माण 2017 में शुरू हुआ, लेकिन अभी तक भी पुल का नहीं बनना विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करवा कर लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने की मांग रखी। लोक निर्माण विभाग लगभग साढ़े 3 करोड़ रुपए की लागत से इस पुल का निर्माण करवा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने पुल का शिलान्यास 9 अगस्त 2017 को किया था। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता सुशील डडवाल ने बताया कि पुल का आर्च गिरने की सूचना मिली है। मौके पर जाकर जांच के बाद ही पता लगेगा कि क्या कारण रहे होंगे। SDO को मौके पर भेजा है। रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डैंक्वां में आज वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यातिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। वहीं, स्कूल की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना की गई। इसके उपरांत बच्चों को वार्षिक रिपोर्ट कार्ड उपलब्ध करवाए गए। समारोह में छात्र व छात्राओं ने अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया गया। वहीं मुख्यातिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से अच्छे से पढ़ाई कर इलाके का नाम रोशन करने का आह्वान किया गया। समारोह के अंत में मुख्यातिथि ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में स्कूल के प्रधानाचार्य व समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
टांडा मेडिकल कॉलेज में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए सरकार ठोस कदम उठाएगी। टांडा मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु मेडिकल छात्रों द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष और नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक रघुबीर सिंह बाली ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बनी सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर को विश्व स्तरीय बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार इसके लिए योजनाबद्ध तरीक़े से कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थापित स्वास्थ्य संस्थान, जिनमें टांडा मेडिकल कॉलेज एक प्रमुख संस्थान है, इसके स्तरोन्नयन के लिए पूर्ण प्रयास सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि टांडा मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु मेडिकल छात्रों के लिए दो इंडोर बैडमिंटन कोर्ट बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं को उपलब्ध करवाने के लिए यहां एक करोड़ रुपये की लागत से लॉन टेनिस कोर्ट का भी निर्माण किया जायेगा। आरएस बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में रोबोटिक सर्जरी और न्यूक्लियर मेडिसिन को शुरू करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि टांडा मेडिकल कॉलेज में भी जल्द ही इसकी शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा भी टांडा में व्यवस्थाओं और सुविधाओं को सुदृढ़ कर इसे क्षेत्र के उत्कृष्ट स्वास्थ संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरिंदर काकू, अतिरिक्त निदेशक टांडा मेडिकल कॉलेज डॉ. अवनिंदर कुमार, एमएस डॉ. मोहन सिंह, एसडीएम नगरोटा मनीष शर्मा, डीएसपी काँगड़ा मदन धीमान सहित मेडिकल कॉलेज के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल, मैक्लोडगंज ने बताया कि भागसू नाग के 11 केवी अनुभाग के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों भागसू नाग मंदिर मार्केट, टैक्सी स्टैंड, हेन्नी, धर्मकोट, सेरी, गलू, रक्कड़ एवं अप्पर भागसू नाग में विद्युत लाइनों की आवश्यक मरम्मत के कारण 11 अप्रैल को प्रातः 9.30 बजे से सायं 5.30 बजे तक अथवा कार्य की समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि मौसम खराब होने की स्थिति में यह कार्य अगले दिन किया जाएगा।
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ उपमंडल जयसिंहपुर के त्रैमासिक चुनाव आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जयसिंहपुर के सभागार में हुए। चुनाव रिटर्निंग ऑफिसर रवि श्याल की अध्यक्षता में संपन्न हुए। उपमंडल जयसिंहपुर के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से महासंघ के पदाधिकारियों का चुनाव किया। इसमें अधीक्षक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जयसिंहपुर के विनोद कुमार शर्मा को प्रधान, वरिष्ठ उपप्रधान नरेश सिंह, अधीक्षक (ग्रेड-2), लोकनिवि जयसिंहपुर, उप प्रधान सुरिंदर सिंह अधीक्षक (ग्रेड-2), विकास खंड कार्यालय, लंबागांव, महासचिव अजय कुमार वरिष्ठ सहायक तहसील कार्यालय जयसिंहपुर, सह सचिव कुलदीप कुमार लिपिक, बीआरसी कार्यालय लंबागांव व विकास खंड कार्यालय लंबगांव के पीआई ध्रुब सिंह को मुख्य सलाहकार चुना गया।
विधायक पवन काजल ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत नंदरूल में आयोजित वार्षिक मेले में भाग लिया। काजल ने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में मेलों का आयोजन एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा प्रतिस्पर्धा के इस दौर में भी ग्रामीणों द्वारा मेलों का भव्य आयोजन करना उनकी सभ्यता व संस्कृति के संरक्षक के तौर पर है। युवा वर्ग को भी मेलों कि इस संस्कृति को सहेज कर रखने के लिए आगे आना चाहिए। काजल ने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रहा नशे का प्रचलन चिंता का विषय है। उन्होंने विभिन्न समाजसेवी संगठनों से भी ग्रामीण क्षेत्रों से नशा माफिया विरुद्ध एकजुट होकर अभियान चलाकर युवा पीढ़ी को संरक्षित करने की अपील की। काजल ने कहा ग्राम पंचायत नंदरुल को हार जलाडी से जोड़ने के लिए बनेर खड्ड पर धीमी गति से चल रहे पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए उन्होंने विधानसभा के बजट सत्र में भी मांग रखी है। विधानसभा में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस पुल का निर्माण कार्य दिसंबर 2023 तक पूरा करने का आश्वासन उन्हें दिया है। काजल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह द्वारा लगभग साढ़े तीन करोड़ के रखे गए पुल के शिलान्यास के 8 वर्षों बाद भी पुल का निर्माण न होना विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल इंगित करता है। काजल ने कहा ग्राम पंचायत नंदरूल में पेयजल समस्या के समाधान के लिए नई पेयजल योजना की डीपीआर बनाई गई है। कांगड़ा शहर से पंचायत तक की सड़क को चकाचक कर दिया गया है। उन्होंने मेला कमेटी को ग्यारह हजार रुपये की नगद राशि भी भेंट की। इस मौके पर मेला कमेटी द्वारा विधायक पवन काजल को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। हरी सिंह प्रधान मेला कमेटी, संतोष राज सचिव, गुरदेव सिंह, मिलाप चंद, प्रताप चंद, जरनैल सिंह,राज कुमारी प्रधान ग्राम पंचायत भी उपस्थित रहे।
जामनाबाद पंचायत के गांव पनियारकड़ के कुल ओंकारेश्वर शिव शक्ति नागा पांडव मंदिर में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के तीसरे दिन कथा वाचक पंडित व्यास जगत राम शर्मा ने भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं का बखान किया। पंडित व्यास जगत राम शर्मा ने कहा कि भगवान तो इतने सरल हैं कि पता ही नहीं कौन से छोटे से गुण पर रीझ जाएं। उन्होंने कहा कि भक्त को अपना सर्वस्व प्रभु को समर्पण कर देना चाहिए। जो कुछ भी उसके पास हो उसे प्रभु का प्रसाद ही मानना चाहिए। अपनी प्रत्येक वस्तु में प्रसादी भाव को जगाना वास्तव में भागवत बुद्धि कहलाता है। वहीं, उपस्थित भक्ताें ने श्री कृष्ण की लीलाओं को सुनकर खूब आनंद लिया। इस दौरान मंदिर के संत जगन्नाथ भी उपस्थित रहे।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी कांगड़ा द्वारा 12 अप्रैल को उपमंडल शाहपुर की हारचक्कियां तहसील के तहत लपियाणा के वन विश्राम गृह में होने वाले एक दिवसीय नि:शुल्क एकीकृत चिकित्सा शिविर को स्थगित कर दिया गया है। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव ओपी शर्मा ने बताया कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी कांगड़ा द्वारा जिला प्रशासन कांगड़ा के सहयोग से लपियाणा में दिनांक 12 अप्रैल को होने वाले निःशुल्क एकीकृत चिकित्सा शिविर को पंचायत उपचुनाव की आदर्श आचार संहिता के कारण स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस एकीकृत शिविर की अगली तिथि शीघ्र निर्धारित की जाएगी।
एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर आज रछियालु गांव के लोगों ने एसडीएम के समक्ष सामूहिक मांगें रखीं। अधिकतर ग्रामीणों ने कहा कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के हित में बनने जा रहा है, तो उसमें हमारी मुख्य मांग यही रहेगी कि मुआवजा एक समान होना चाहिए और हर एक परिवार को सरकारी नौकरी मिलनी चाहिए। रछियालु गांव के पास 72 कनाल सरकारी भूमि है, वहां पर एक सुपर मॉडल गांव का निर्माण होना चाहिए, ताकि लोगों को वहां बसाया जाए। गांव में बिजली, पानी और शिक्षा का अच्छा प्रावधान होना चाहिए। इन शर्तों पर सरकार अमल करती है तो हम गांववासी तैयार हैं। इस अवसर पर गांव में शाहपुर के एसडीएम करतार चंद, कांगड़ा के एसडीएम नवीन तंवर, पर्यटन विभाग की तरफ से सहायक पर्यटन विकास अधिकारी संजय शर्मा, कांगड़ा के डीएसपी मदन धीमान, पंचायत प्रधान संजू कुमारी उपप्रधान मुख्तियार खान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
एसडीएम कांगड़ा ने कहा कि कांगड़ा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम-1960 के अनुसार तैयार हो गई है। उसकी एक प्रति एसडीएम कार्यालय में या सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार के कार्यालय में व प्रत्येक मतदान केंद्र पर अभिहित अधिकारियों के पास कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। निर्वाचक नामावली के तैयार किए जाने की अहर्क तारीख 01-04 -2023 है। यदि उपरोक्त अहर्क तारीख के संदर्भ में नामावली में किसी नाम के सम्मिलित किए जाने के लिए कोई दावा या किसी नाम के सम्मिलित किए जाने के लिए कोई आक्षेप किया जाता है या प्रविष्टि की विशिष्टीयों की बाबत कोई आक्षेप हो तो वह 20-04-2023 को या इससे पूर्व प्रारूप 6, 6क, 7, 8 या में से समुचित हो उस प्रारूप में दाखिल किया जाए। सभी पात्र नागरिक, जो वर्ष 2023 में किसी भी बाद की योग्यता तिथियों पर 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने जा रहे हैं, अर्थात पहली जुलाई, 2023 या पहली अक्तूबर, 2023 को भी शामिल करने के लिए अपना दावा दायर कर सकते हैं। नोटिस की तारीख से शुरू होने वाले फार्म-6 में रोल में उसका नाम, और उस पर संबंधित योग्यता तिथि के संदर्भ में वर्ष की संबंधित तिमाही में विचार किया जाएगा और निर्णय लिया जाएगा। हर ऐसा दावा या आक्षेप या तो मेरे कार्यालय में या सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (तहसीलदार) के कार्यालय में या संबंधित मतदान केंद्र पर अभिहीत अधिकारी के समक्ष पेश किया जाये या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, उपमंडल अधिकारी (नागरिक), कांगड़ा, जिला कांगड़ा पते पर डाक द्वारा भेजा जाए।
सिटी केयर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल गग्गल द्वारा आज करेरी ग्राम पंचायत भवन में निःशुल्क मेडिकल कैंप लगाया गया। इस कैंप में डॉ. मुनीष, डॉ. श्वेता व डॉ. वरुण द्वारा 170 लोगों के स्वस्थ्य की जांच की गई। इसमें सामान्य मेडिसिन, स्त्री रोग, आंखों की समस्या जैसी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच की गई। कैंप में शुगर और बीपी के मुफ्त टेस्ट किए गए तथा जांच के उपरांत लोगों को दवाइयाें का वितरण भी किया गया। इस मौके पर मार्केटिंग सिटी केयर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल गग्गल के जीएम आशुतोष चौधरी, ग्राम पंचायत प्रधान सुषमा देवी, उपप्रधान करतार चंद व समस्त ग्रामवासी उपस्तिथ रहे।
हिमाचल एमराल्ड ताइक्वांडो एकेडमी खुंडिया में 9 अप्रैल को बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा करवाई गई, जिसमें 27 बच्चों ने भाग लिया। इसमें अर्शिता, शिवांश, उदय अनन्या, आरूष राणा, विभा, आर्यन, नीजल, प्राची, श्रुति, अतीक, अंशिका चौधरी, ऋषिका धीमान, अरमान राणा, दिव्यांश, अनिकेत, मनिका और दिशीता ने परीक्षा पास कर येलो बेल्ट प्राप्त की। वहीं, अथर्व, अंशिका, वंशिका और साइना ने येलो-1 बेल्ट प्राप्त की। ऋषभ चौधरी ने ग्रीन बेल्ट और आदि कुमार, खुशी देवी, आदित्य शर्मा और प्रांजल धीमान ने ब्लू-1 बेल्ट हासिल की। यह परीक्षा हिमाचल ताइक्वांडो एकेडमी खुंडिया के संचालक सुनील कुमार और मीना कुमारी की देखरेख तथा मास्टर शिवराज और कविता के सहयोग से आयोजित की गई। एकेडमी के संचालक सुनील कुमार का कहना है कि अभिभावकों को अपने बच्चों को ताइक्वांडो जैसी खेलों में भाग लेने के लिए भेजना चाहिए, ताकि वे खुद की रक्षा करने के गुर सीख सकें।
अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा समिति की ओर से बीते कल जालंधर में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया था, जिसकी अध्यक्षता समिति के पंजाब चेयरमैन सुरिंदर मन्हास, समिति पंजाब अध्यक्ष दीपक भारद्वाज, सुधा शर्मा जिला अध्यक्ष महिला विंग व आचार्य मुनीश पठानकोट ने की। प्रेस वार्ता में बताया गया कि जिला पठानकोट के रहने वाले पुराने हिंदू नेता अनिल तारा भारद्वाज को राष्ट्रीय सचिव व हिमाचल प्रदेश प्रभारी व हिंदू तख्त का प्रचारक नियुक्त किया गया। अभिषेक भरद्वाज को जिला पठानकोट से जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके बाद पठानकोट के युवाओं ने भारी संख्या में एकत्रित होकर डमटाल स्थित माता मंदिर में उनका स्वागत किया गया। पंजाब चेयरमैन सुरिंदर मन्हास ने कहा कि अनिल तारा भारद्वाज को एक बड़ी ज़िम्मेवारी दी गई है। वहीं अभिषेक भारद्वाज को पठानकोट से जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने ने कहा कि समिति की ओर से हर मेहनती और हिंदुत्व की विचारधारा को मन में लेकर चलने वाले हर व्यक्ति का हमेशा मान-सम्मान किया जाता है। उन्हें आशा है की अनिल तारा भारद्वाज व अभिषेक भारद्वाज को जो जिम्मेवारी समिति की ओर से दी गई है, वह उसे निष्ठा के साथ निभाएंगे । इस मौके पर अंकित मेहरा (युवा नेता ), दीप मेहरा (समाजसेवक), पवन मित्तल, अर्जुन मित्तल, अरुण शर्मा (युवा नेता), आशु शर्मा, अनूप तारा, विवेक कटोच, सौरव कुमार, रकित महाजन, दीपू कोच, सोनू ,विजय, सौरव मेहरा ,सिद्धार्थ आदि युवा भारी संख्या में मौजूद रहे।
कांगड़ा विस हलके के विधायक पवन काजल ने कहा विधानसभा क्षेत्र के गाहलियां पंचायत में मौजूदा कांग्रेस सरकार द्वारा डिनोटिफाई किए पीएचसी को दोबारा शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने कहा गाहलियां पंचायत व साथ लगते आधा दर्जन पंचायतों के लिए 8 करोड रुपए की लागत से पेयजल योजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है और आने वाले समय में चंगर क्षेत्र की पंचायतों में पेयजल समस्या का स्थाई समाधान कर दिया जाएगा। काजल रविवार को गाहलियां पंचायत में आयोजित वार्षिक मेले में बोल रहे थे। उन्होंने कहा मेले हमारी सभ्यता व संस्कृति के परिचायक हैं और युवा पीढ़ी को मेलों के आयोजन में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि हम अपने पुराने धरोहर को सहेज कर रख सके। उन्होंने युवा वर्ग को नशे से दूर रहने व ग्रामीणों को नशा माफिया विरुद्ध एकजुट होकर अभियान शुरू करने की अपील की। उन्होंने मेला कमेटी को ग्यारह हजार रुपये की नकद राशि भेंट की। इस मौके पर ग्राम पंचायत गाहलियां श्री राधा कृष्णा मंदिर मेला कमेटी प्रधान अनूप सिंह, उप प्रधान ज्ञान चौधरी, परमिंद्र सिंह पटियाल, मलक सिंह, किशोरी लाल मेहता, सुरेश शर्मा, राम स्वरुप, प्रदीप भाटिया, देवी लाल, नंद लाल संधू, रणजीत सिंह, लकी शर्मा भी उपस्थित रहे। इससे पहले विधायक काजल ने खोली पंचायत में चल रही श्रीमद् भागवत कथा और ईच्छी पंचायत में आयोजित भंडारे में शिरकत की।
एनएसयूआई के 53वें स्थापना दिवस पर एनएसयूआई की कांगड़ा इकाई ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता इकाई के ज़िला अध्यक्ष निखिल जम्बाल ने की। इसमें युवा कांग्रेस के ज़िला अध्यक्ष पंकज कुमार पंकू और युवा कांग्रेस कांगड़ा के अध्यक्ष ईशांत चौधरी मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। उन्होंने सभी रक्तदाताओं का धन्यवाद किया, साथ ही सभी छात्रों को रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। ईशांत चौधरी ने कहा कि हमारे लिये बहुत गर्व की बात है कि हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी अपना राजनीतिक सफ़र इसी संगठन से शुरू किया और इस संगठन से निकलकर वे आज प्रदेश मुख्यमंत्री बने। इस अवसर पर रोहित कुमार, प्रिंस, सौरव, कार्तिक, अखिल और अधिराज मनकोटिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
अलूनिया क्लब पुराना कांगड़ा द्वारा पुराना कांगड़ा के समिति मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें लगभग 48 टीमों ने भाग लिया। इसमें सहोड़ा क्लब ने जयंती क्लब पुराना कांगड़ा को हराकर क्रिकेट टूर्नामेंट को जीता। मुख्यातिथि के तौर पर मौजूद अमित वर्मा ने अलूनिया क्लब को 15 हजार रुपये देकर उन्हें भविष्य में इस तरह की प्रतियोगिताएं करवाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता समय-समय पर होती रहनी चाहिए। कांगड़ा जनहित संगठन द्वारा इस माह के अंत में एक और क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन करवाया जा रहा है। इसमें इन दोनों टीमों को फ्री एंट्री दी जाएगी।
संत निरंकारी भवन घुरकड़ी में आज सप्ताहिक सत्संग का आयोजन किया गया। सत्संग में महात्मा मदन अपने प्रवचनों की अमृत वर्षा करते हुए कहा के सत्संग में बिताया हुआ समय कभी व्यर्थ नहीं जाता। जैसे हाथों में लगाई हुई मेहंदी अपना रंग दिखा ही देती है, वैसे ही सत्संग में बिताया हुआ समय कभी भी व्यर्थ नहीं जाता। वह कभी ना कभी अच्छे आने वाले समय का संकेत दे ही देता है। सत्संग में संतो महापुरुषों के हर वचन ध्यान से सुनना और ग्रहण करना केवल एक प्रथा का रूप बनाकर सत्संग में आने से कोई लाभ नहीं होगा। सत्संग में केवल शरीर को बिठा देना ही काफी नहीं है, बल्कि मन से संत महात्माओं के वचनों एवं उनकी भावनाओं को श्रवण कर ग्रहण करना है यही एक महानता है और सत्संग में आने वालों की केवल श्रद्धा और भक्ति देखनी चाहिए। इस अवसर पर सत्संग में महात्मा दीनानाथ महात्मा स्वरूप चंद राजेश कुमार किशोरी लाल सहित कई महात्मो ने सत्संग में ज्ञान की डुपकी लगाई।
महाविद्यालय इंदौरा में आज एनएसयूआई का 53वां स्थापना दिवस मनाया गया। महाविद्यालय इकाई द्वारा पौधा लगाकर व गरीब बच्चों में फल बांटकर स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर इकाई अध्यक्ष यौवन गुलेरिया, उपाध्यक्ष साजन गुलेरिया, कनव ठाकुर, गुशु ठाकुर, राहुल, आदित्या, रोनी, अभिराम, कार्तिक, आदित्या आदि उपस्थित रहे।
डिग्री कॉलेज धर्मशाला का त्रिगर्त सभागार दो दिनों तक कलाकार-साहित्यकारों के सुंदर भावों से सराबोर रहा। धर्मशाला लिटरेचर फेस्टिवल का दूसरा संस्करण आज शनिवार को मधुर समृतियों के साथ सम्पूर्ण हुआ। उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने इस अवसर पर यहां आए सभी कला और साहित्य प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंनें कहा कि दो दिन तक चले धर्मशाला लिटरेचर फेस्टिवल के दूसरे संस्करण से धर्मशाला साहित्य और कला के विभिन्न रंगों का साक्षी बना। इस अवसर पर पूर्व मंत्री विप्लव ठाकुर भी उपस्थित रहीं। धर्मशाला लिटरेचर फेस्टिवल 2023 के समापन के दौरान आए हुए प्रतिभागियों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित भी किया गया। उपायुक्त ने बताया कि फेस्टिवल में साहित्य-कला क्षेत्र के नामचीन लोगों के साथ नवोदित और प्रतिभाशाली लेखक-कलाकार-कवियों ने भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस दौरान साहित्य और कला प्रेमियों को अपने पसंदीदा साहित्यकारों से रूबरू होने का अवसर मिला। इस दौरान साहित्यकारों ने आकर्षक चर्चा सत्रों में भाग लिया। उन्होंने कहा कि आयोजन में मनोरंजन, प्रेरणा और शिक्षा का समन्वय रहा। उन्होंने बताया कि इस दौरान स्थानीय कला को बढ़ावा देने के लिए लाइव कांगड़ा पेंटिंग पर कार्यशालाओं का आयोजन भी किया गया। धर्मशाला के वातावरण ने बनाया इसे और भी सुनहरा उपायुक्त ने कहा कि साहित्य और कला से जुड़े लोगों के लिए विचारने और काम करने के लिए धर्मशाला से बेहतर कोई अन्य जगह नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि धर्मशाला को दिन-रात निहारती और अपने आंचल में पालती धौलाधार की ऊँची चौटियां स्वयं ईश्वर द्वारा रचित एक खूबसूरत कविता और कला जैसी है। उन्होंने कहा कि इस वातावरण को देखकर उनके मन में विचार आया कि यहां कला और साहित्य से जुड़े लोगों का संगम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी के तहत जिला प्रशासन ने धर्मशाला लिटरेचर फेस्टिवल की शुरुआत करने की पहल की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की इस पहल को कला और साहित्य से जुड़े लोगों ने न केवल सराहा अपितु बड़े उत्साह से भाग लेते हुए इसे सफल भी बनाया। बता दें, दो दिवसीय धर्मशाला लिटरेचर फेस्टिवल-2023 में नीलेश कुलकर्णी, सगुण जैन, सुनैनी गुलेरिया शर्मा, सिद्धार्थ, मनीष जैन, नवनीत शर्मा, विनीत मोहिल, सहर घरचोरलू, डॉ. प्रत्यूष गुलेरी, चंद्ररेखा ढडवाल, अभ्युदिता गौतम, ईशान, सीमा शर्मा, शिवम, प्रोफेसर रोशन शर्मा, कर्नल वीपी सिंह, निखिल शर्मा, कर्नल आशीष बेदी, डॉ. मनदीप प्रकाश, मुबारक संधू, देव हिंदवी, जन्मजय गुलेरिया, मीनाक्षी कँवर, आशिशा चक्रवर्ती, हरिंदर चीमा, भुचुंग डी सोनम, समीर राहत, पायल, हरदीप और चांदपुरी ने साहित्यिक चर्चा सत्रों में भाग लिया। इस मौके उन्होंने अपने व्याख्यानों के जरिए अपना अनुभव व ज्ञान साझा किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर, एसडीएम धर्मशाला शिल्पी बेक्टा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज डेरा राधा स्वामी ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से भेंटवार्ता की। इस दौरान उनके साथ सुलाह के विधायक व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, त्रिलोक कपूर, पूर्व विधायक अरुण कुमार कूका, मुल्ख राज प्रेमी व विशाल नहेरिया भी मौजूद रहे।
जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत पक्का टियाला से गुराला सड़क मार्ग के किनारे ऑप्टिकल फाइबर लाइन बिछाने के चलते इस मार्ग की हालत खस्ता हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की लापरवाही से कुछ वर्ष पहले बनाया गया सड़क मार्ग बुरी तरह से उखाड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग स्पष्ट करे कि निजी कंपनियों द्वारा उखाड़ी जा रही सड़कों की रिपेयर के लिए इनके द्वारा कितना बजट विभाग के पास जमा करवाया गया है, क्योंकि बड़े पैमाने पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। लोगों का यह भी कहना है कि अभी हाल ही में सड़क का निर्माण किया गया था। अब इस सड़क के किनारे खुदाई करना बिलकुल गलत है। बरसात के दिनों में यह सड़क साइड से बैठ जाएगी, जिससे लोगों को आवागमन करने में भारी समस्या का सामना करना पड़ेगा। वहीं, इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग विभाग डाडासीबा के एसडीओ राजन कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सड़क के साइड में खुदाई करने की परमिशन विभाग ने दी है। इसकी अदायगी विभाग को ठेकेदार द्वारा की गई है। अगर कार्य के दौरान कोई कमी है तो सड़क की रिपेयरिंग की जाएगी।
पुलिस चौकी डाडासीबा के तहत पड़ते गांव लंडीयारा में पुलिस ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति से संतरा मार्का 2 पेटी देसी शराब बरामद की है। मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी देहरा संदीप पठानिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
विकास खंड कांगड़ा के तहत पड़ती पंचायत जमानाबाद के गांव पनियाकड़ में आज सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ कलश यात्रा और शोभा यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा और शोभा यात्रा श्री ब्रजेश्वरी मंदिर कांगड़ा से चलकर पनियाकड़ गांव के कुल ओंमकारेश्वर शिव शक्ति नागा पांडव मंदिर जमानाबाद पहुंची। शोभा यात्रा में मंदिर प्रबंधक संत जगन्नाथ, कथा वाचक पंडित व्यास जगत राम शर्मा भी शामिल रहे। संत जगन्नाथ ने बताया कि प्रतिदिन 12:15 से 4:15 बजे तक यज्ञ चार्य एवं कथा प्रवक्ता परम पूजनीय पंडित जगत राम शर्मा के मुखारविंद से अमृत वर्षा की जाएगी और शाम को 8:00 से 10:00 बजे तक मंदिर में श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयाेजन किया जाएगा। कथा के बाद प्रतिदिन कथा श्रवण करने वाले भक्तों के लिए लंगर व्यवस्था का भी प्रबंध किया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि 14 अप्रैल शुक्रवार को हवन यज्ञ पूर्णाहुति डालकर महापुराण कथा को विराम देकर भोग प्रसाद बांटा जाएगा। कथा प्रवक्ता पूजनीय व्यास जगतराम शर्मा ने भी कहा कि उन्हें परम पूजनीय गुरु संत चोलाधारी नाथ जी की अपार कृपा से कथा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है और जो गुरुजी की तपोस्थली में यह शुभ कार्य हो रहे हैं। यह गुरु जी की तपस्या, साधना और अपने गुरुजी के प्रति सच्ची निष्ठा के कारण ही संभव हो रहा है।
राधा स्वामी सत्संग डेरा परौर में आयोजित 2 दिवसीय समागम में लाखों की तादाद में संगत पहुंची। संगत को डेरा प्रमुख गुरिंद्र सिंह ढिल्लों महाराज ने अपने प्रवचनों से निहाल किया। इस दौरान उन्होंने अनुयायियों के सवालों के जवाब भी दिए। डेरा प्रमुख रविवार को होने वाले बड़े समागम में भी संगत को प्रवचन सुनाएंगे।
ज्वालामुखी में जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लड़कियों के वर्ग में अंडर-17 में भव्या ने प्रथम, हर्षिता ठाकुर ने द्वितीय तथा ईशा नरयाल ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंडर-13 में सानवी परिहार ने प्रथम, अर्शिया चौधरी ने द्वितीय और ओजस्वी चोराही ने तृतीय हासिल किया। अंडर-9 में डायल रियालच ने प्रथम, सिया धीमान ने द्वितीय और जैस्मिन ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, लड़कों के वर्ग में अंडर-17 में अर्णव शर्मा ने प्रथम रसेश गुलेरिया ने द्वितीय और सतीश कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंडर-13 में केशव सूद ने प्रथम, अयान राणा ने द्वितीय आदविक शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंडर-9 में कानव धीमान ने प्रथम, अयान सिंह ने द्वितीय और उमेश भड़ियाल ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रत्येक वर्ग में दो लड़कों और दो लड़कियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हो गया है। विजेताओं को समाजसेवी मोहिंदर धीमान ने पारितोषिक देकर सम्मानित किया। इस जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आगाज लॉरेटे ग्लोबल स्कूल कथोग में एसबीआई से सेवानिवृत्त प्रबंधक धर्म चंद ने किया। इस मौके पर जिला शतरंज संघ के सचिव जगदीश चंदेल मुख्य ऑर्बिटर विकास धीमान,ऑर्बिटर, विपन कुमार,राकेश कुमार,संदीप रियाल्च,जीवन कुमार, रविंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।
शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फॉर वूमेन घुरकड़ी की छात्राओं ने द्रोणाचार्य पीजी महाविद्यालय रैत में आयोजित नवरंग कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया। छात्राओं ने सभी प्रतियोगिताओं में अपनी भागीदारी दी। मॉडल मेकिंग प्रतियोगिता में बीएड द्वितीय वर्ष की छात्राओं शिल्पा और सीमा ने तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि डेकलामेशन में बीएड प्रथम वर्ष की अर्शिया ने तृतीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस अवसर पर इन विजेता छात्राओं को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र भेंट किए। शरण कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सुमन शर्मा ने कॉलेज पहुंचने पर सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली छात्राओं को बधाई दी तथा कहा कि जीतना हमारा मकसद नहीं, विभिन्न प्रतियोगताओं में छात्राएं आगे आकर अपनी प्रतिभा को निखारें यही हमारा प्रयास है। छात्राओं की हिचक को समाप्त कर उन्हें आगे लाने की कोशिश करना ही शरण कॉलेज का मुख्य लक्ष्य है।
क्षेत्र में पहली बार पर्मांनेंट पेसमेकर को लेफ्ट बंडल ब्रांच पेसिंग (एलबीबीपी) अत्याधुनिक तकनीक द्वारा प्रत्यारोपित किया गया, जिससे 60 वर्षीय महिला को कंप्लीट हार्ट ब्लॉकेज के बावजूद उसे बचाया जा सका। इससे पहले मरीज को बार-बार चक्कर एवं बेहोशी के दौरों की शिकायत थी और उसकी हृदय गति भी कम थी। फोर्टिस अस्पताल, कांगड़ा में कंसल्टेंट इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. निखिल ने रोगी की कंप्लीट हार्ट ब्लॉकेज का पता लगाया और उसे परमांनेंट पेसमेकर लगाने की सलाह दी। डॉ. निखिल ने बताया कि लेफ्ट बंडल ब्रांच पेसिंग हृदय के शीर्ष भाग को बायपास करने और रोगी को फिजियोलॉजिकल पेसिंग प्रदान करने के लिए एक नई तकनीक है। एलबीबीपी एक चुनौतीपूर्ण हिस्सा है, क्योंकि हमें लेफ्ट बंडल के एक विशिष्ट छोटे क्षेत्र को ढूंढना पड़ता है और इसे गति देनी पड़ती है। डाॅ. निखिल ने बताया कि हमें लेफ्ट बंडल ब्रांच के उपयुक्त पैरामीटर मिल गए और पेसमेकर को सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित कर दिया गया। प्रक्रिया के 2 दिन बाद मरीज को छुट्टी दे दी गई। फोर्टिस अस्पताल, कांगड़ा में इस अत्याधुनिक चिकित्सा पद्धति के चलते भी अधिकांश रोगी क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं से अवगत नहीं हैं। फोर्टिस अस्पताल, कांगड़ा का लक्ष्य प्रदेश में बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करना है, ताकि मरीजों को बाहरी राज्यों का रूख न करना पड़े और उन्हें अत्याधिक आर्थिक हानि से भी बजाया जा सके। डाॅ. निखिल ने बताया कि फोर्टिस अस्पताल, कांगड़ा में हिमकेयर के तहत भी उपचार सुविधा उपलब्ध है।
प्यार करने वालों के लिए सरहदें मायने नहीं रखतीं। ऐसी ही प्रेम कहानी है ऑस्ट्रिया के वियाना की रहने वाली बिरगिट की। ऑस्ट्रिया की बिरगिट को उसका प्यार सात समंदर पार हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा ले आया। यहां बिरगिट ने गनोह पंजाहड़ा निवासी रमेश राज से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सात फेरे लेकर उसे अपना जीवनसाथी बना लिया। लगन में बिरगिट की माता गैवरिल जुपाक व भाई रोमन बरुंथेलर ने अपना फर्ज अदा किया। वहीं, पंडित ने लगन पढ़कर सात फेरे करवाकर दूल्हा-दुल्हन को साथ जीने-मरने की कसमें दिलवाईं। जानकारी के अनुसार कांगड़ा जिले के गनोह पंजाहड़ा निवासी देस राज कौंडल जून 1992 में ऑस्ट्रिया चले गए थे। इस दौरान 2003 में उन्होंने अपनी पत्नी सविता कौंडल व दोनों बेटों रमेश राज व दिनेश राज कौंडल को भी बुला लिया। देस राज कौंडल ने बताया कि उनकी बहू की सहेली ने नौकरी के दौरान उनके बेटे रमेश राज की मुलाकात बिरगिट से करवाई थी। यह मुलाकात जल्दी ही दोस्ती से एक-दूसरे से जिंदगी भर का रिश्ता बनाने तक पहुंच गई। बेटे ने अपनी माता से इस विषय पर बात की। इसके बाद पिता ने भी शादी के लिए हामी भर दी। वहीं, बिरगिट के परिजन भी शादी के लिए राजी हो गए।
न्यायपालिका से जुड़े लोगों को जनसेवा और जनसुविधा की भावना से अपना कार्य करना चाहिए। पालमपुर में आज शनिवार को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय का उद्घाटन करने के उपरांत हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सबीना ने यह बात कही। अपने दो दिवसीय जिला कांगड़ा दौरे के दौरान प्रदेश उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सबीना ने आज पालमपुर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय का उद्घाटन कर इसे आमजन की सुविधा के लिए क्षेत्र के लोगों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि पालमपुर में स्थापित इस न्यायालय से पालमपुर, बड़ा भंगाल, बैजनाथ, जयसिंहपुर और आस पास के क्षेत्र के लाखो लोगों को न्यायिक सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि अभी तक पालमपुर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय की स्थाई व्यवस्था न होने से क्षेत्र के लोगों को संबंधित मामलों में न्यायिक सहायता के लिए धर्मशाला तक का सफर तय करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि इस कोर्ट के खुलने से ऐसे सभी लोगों को सहुलियत होगी। न्यायमूर्ति सबीना ने कहा कि प्रदेश उच्च न्यायालय का प्रयास है कि लोगों के लिए न्याय सुलभ हो, सबकी पहुंच में हो और समयबद्ध हो। उन्होंने कहा कि सुलभ न्यायिक व्यवस्था को सुनिश्चित बनाने के लिए प्रदेश उच्च न्यायालय समर्पित प्रयास कर रहा है। उन्होंने नए कोर्ट के लिए बधाई देते हुए सभी सम्बंधित न्यायिक अधिकारियों और बार एसोसिएशन से इसे लेकर अपनी जिम्मेदारी समझने और गुणात्मक काम करने को कहा। ‘यतो धर्मस्ततो जयः’ के ध्येय वाक्य को रखें ध्यान में इस अवसर पर प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर ने न्यायपालिका से जुड़े सभी लोगों को ‘यतो धर्मस्ततो जयः’ के ध्येय वाक्य को ध्यान में रखते हुए अपने कार्य को करने की बात कही। उन्होंने कहा कि महाभारत से लिया गया यह वाक्य भारतीय उच्चतम न्यायालय का ध्येय वाक्य है, जिसका अर्थ है कि विजय यदा धर्म अर्थात सत्य के पक्ष में ही रहती है। उन्होंने कहा कि धर्म का अर्थ सत्यता और कर्तव्यनिष्ठाा का पालन करना है। उन्होंने कहा कि न्याय पालिका से जुड़े सभी लोगों को धर्म अनुरूप ही कार्य करना चाहिए। उन्होंने न्यायिक प्रकिया को अधिक जनमुखी बनाने के लिए बार एसोसिएशन और न्यायाधीशों के मिलकर काम करने की जरूरत को रेखांकित किया। इस मौके पर बार एसोसिएशन पालमपुर के अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह ठाकुर ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश को शाल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विवेक सिंह ठाकुर प्रशासनिक जज हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट, अजय मेहता सेशन जज कांगड़ा स्थित धर्मशाला, अरविंद मल्होत्रा रजिस्ट्रार जनरल उच्च न्यायालय, चिराग सिंह भानु ओएसडी उच्च न्यायालय, एडीसी कांगड़ा सौरभ जस्सल, एसडीएम पालमपुर डाॅ. अमित गुलेरिया सहित न्यायपालिका से जुड़े अधिकारी, अधिवक्ता एवं न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
राजकीय महाविद्यालय सुघ भटोली में आज पूर्व छात्र संघ के चुनाव करवाए गए। यह चुनाव प्राचार्य शशि भूषण की अध्यक्षता में सर्वसम्मति से संपन्न हुए। इसमें प्राचार्य शशि भूषण को पूर्व छात्र संघ का मुख्य संरक्षक, आशीष पठानिया को प्रधान, रितिका शर्मा को उपप्रधान, शीतल कुमारी को सचिव, सौरव सिंह को संयुक्त सचिव व राजेश कुमार को कोषाधिकारी चुना गया। प्राचार्य शशि भूषण ने बताया कि पूर्व छात्र संघ का अब एक सोसाइटी के तौर पर पंजीकरण करवाया जाएगा, ताकि यह सोसाइटी महाविद्यालय के विकासात्मक, धर्मार्थ तथा शैक्षणिक गतिविधियों में भाग ले सके। इस मौके पर सहायक आचार्य शिखा राणा, सहायक आचार्य जगन सिंह, कॉलेज अधीक्षक राजेश कुमार, हरजिंदर सिंह, वीर सिंह, राजेश सिंह, राकेश आदि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मानवीय दृष्टिकोण के चलते प्रदेश के निराश्रित बच्चे अब चिल्ड्रेन ऑफ़ स्टेट बन गए हैं। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश विधानसभा में हिमाचल प्रदेश सुखाश्रय विधेयक-2023 पास करने की घटना को ऐतिहासिक बताते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सुखाश्रय विधेयक पारित होने के बाद राज्य के 6,000 निराश्रित बच्चों को अब चिल्ड्रन ऑफ स्टेट का दर्जा मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की संवेदनशीलता के चलते हिमाचल प्रदेश इस तरह का कानून बनाने वाला पहला राज्य है, जहां पर 101 करोड़ रुपए से कोष की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि इससे सरकार 27 वर्ष की आयु तक के निराश्रित बच्चों के माता-पिता की भूमिका में रहकर उनकी पढ़ाई का सारा खर्च उठाएगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के बाद मकान बनाने के लिए 3 बिस्वा जमीन भी उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने कहा कि इसके तहत एमबीबीएस और पीएचडी. जैसी उच्च शिक्षा के लिए सरकार मदद करने के अलावा अलग से 4,000 रुपए की पॉकेट मनी भी देगी। इसके अलावा सर्दी और गर्मी में अलग-अलग कपड़ों के लिए 10,000 रुपए देगी।
ज्वालामुखी उपमंडल के तहत पुलिस थाना खुंडियां के तहत पुलिस ने बग्ग में ध्यान सिंह निवासी बग्ग की दुकान से 2 बोतलें अंग्रेजी शराब व 3 बोतलें देसी शराब बरामद की हैं। पुलिस थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने की है।
राज्य स्वास्थ्य समिति (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) संघ का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश प्रेस सचिव राज महाजन एवं कांगड़ा जिला महासचिव विशाल शर्मा की अध्यक्षता में विधायक रघुवीर सिंह बाली से उनके निवास स्थान पर मिला। राज महाजन ने रघुवीर सिंह बाली को मणिपुर सरकार की तर्ज पर नियमतिकरण की मांग को स्वास्थ्य मंत्री द्वारा विभाग को प्रेसित की गई फाइल संबधित वास्तविक स्थिति से अवगत करवाया। संघ ने मुख्यमंत्री एवं प्रधान सचिव स्वास्थ्य से इस फाइल को फाइनल अमलीजामा पहनाने के लिए आग्रह किया। बाली ने संगठन के पदाधिकारियों की बात को ध्यान से सुनते हुए इसमें अपना सहयोग देने की वचनबद्धता दिखाई एवं जल्द इस पर सकारात्मक परिणाम आने का आश्वासन संघ को दिया। उन्होंने संघ को आश्वस्त किया कि वो एनएचएम कर्मचारियों के काम एवं योगदान से बाकिफ हैं। संघ के प्रदेश प्रेस सचिव राज महाजन ने बताया कि आज की इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला के हर ब्लॉक से कर्मचारियों ने भाग लिया और अपनी मांग से रघुवीर सिंह बाली को अवगत करवाया।
कांगड़ा के जमानाबाद में स्थित कुल ओंकारेश्वर शिव शक्ति नागा पांडव मंदिर में 8 अप्रैल-14 तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। आप सभी भक्तजन कथा श्रवण करने के लिए कुल मंदिर जमानाबाद में श्रीमद् भागवत कथा का आनंद उठाएं। मंदिर प्रबंधक संत जगन्नाथ ने बताया कि प्रतिदिन 12:15 से 4:15 बजे तक यज्ञ चार्य एवं कथा प्रवक्ता परम पूजनीय पंडित जगत राम शर्मा के मुखारविंद से अमृत वर्षा की जाएगी। साथ ही शाम को 8 से 10 बजे तक पहुंच कर भी श्रीमद् भागवत कथा महापुराण का अमृत पान कर सकते हैं। कथा के बाद प्रतिदिन कथा श्रवण करने वाले भक्तों के लिए लंगर व्यवस्था का भी प्रबंध किया जाएगा। अतः सभी भक्तजनों को श्रद्धा पूर्वक आमंत्रित करते हुए आग्रह किया जाता है कि प्रतिदिन वैष्णव अवस्था में पहुंचकर श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का श्रवण करें और अपने जीवन को आत्मज्ञान की गंगा में अमृत्तुल्य बनाएं।
साहित्य, कला और लेखन समाज को एकात्मता के सूत्र में पिरोए रखते हैं। इससे जहां एक तरफ अपने विचारों को व्यक्ति प्रभावी ढंग से प्रकट करने में समर्थ होता है, वहीं सभ्यता और संस्कृति भी समृद्ध होती है। ये शब्द धर्मशाला डिग्री कॉलेज के ऑडिटोरियम में धर्मशाला लिटरेचर फेस्टिवल के दूसरे संस्करण के उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तथा नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक रघुबीर सिंह बाली ने कहे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री विप्लव ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। बाली ने जिला प्रशासन द्वारा धर्मशाला में लिटरेचर फेस्टिवल शुरु करने की पहल की सराहना करते हुए इसके आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने इसकी सार्थकता को देखते हुए धर्मशाला लिटरेचल फेस्टिवल के लिए पर्यटन विकास निगम की ओर से पांच लाख रूपये देने की घोषणा की। आर.एस बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बनी सरकार प्रदेश में पर्यटन, कला और साहित्यिक वातावरण को विकसित करने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लिटरेचर फेस्टिवल के लिए धर्मशाला से उपयुक्त स्थान कोई अन्य नहीं हो सकता क्योंकि यह स्थान भी खूबसूरत है और यहां विचार भी खूबसूरत ही निकलेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे लिटरेचर फेस्टिवल के माध्यम से विभिन्न क्षेत्र और विचारों से आए लोग अपनी बात रखते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से जो विचारों का आदान-प्रदान होता है, उससे एक जागरुक समाज का निर्माण होता है। बाली ने जिला प्रशासन को क्षेत्र के सरकारी शिक्षण संस्थानों को लिटरेचर फेस्टिवल के साथ जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्र के बच्चों को भी इसके माध्यम से निखरने का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज देश-प्रदेश में सर्वोच्च पदों पर बैठे प्रेरक व्यक्ति सरकारी स्कूलों और महाविद्यालयों से निकले हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे विद्यार्थी साहित्य, कला और लेखनी में भी आगे बढ़ें, इसके लिए उन्हंे ऐसे आयोजनों के साथ जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर बच्चों को अपनी स्कूली शिक्षा के दौरान ही ऐसे मंच मिलेंगे, तो उनकी प्रतिभा निखर कर आएगी। लिटरेचर फेस्टिवल के उद्घाटन सत्र में ‘वंडरलैंड कॉलिंग’ नाम से एक चर्चा का आयोजन किया गया। इस चर्चा में पर्यटन और होटल उद्योग से जुड़ी गतिविधियां और पर्यावरण अनुरूप उनके संचालन को लेकर पैनलिस्ट ने अपने विचार रखे। इस दौरान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस बाली ने चर्चा का समापन करते हुए कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि प्रदेश में पर्यटन निगम द्वारा चलाए जा रहे होटलों की स्थिति का मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा संचालित होटलों में हिमाचली धाम परोसने के लिए रेस्त्रां में भोटी धाम की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किए बिना पर्यटन को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता। उन्होंने कहा कि टूरिजम इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने के लिए सरकार ने पहली बार बजट में पर्यटन के लिए पांच सौ करोड़ रूपये का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त प्रदेश में एडीबी के सहयोग से पर्यटन के लिए 1311 करोड़ रूपये की परियोजनाएं शुरु की जा रही हैं। बाली ने कहा कि पर्यटन के लिए कनेक्टिविटी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने अपने पहले ही बजट में कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए दो हजार करोड़ रूपये का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में भी तेज गति से काम को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री के जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने के संकल्प को पूरा करने हेतु गंभीर प्रयास अमल में लाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से विकसित होने से धर्मशाला में बड़ी संख्या में ऐसे आयोजन करवाए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन के साथ साहित्य, कला और उससे जुड़ी गतिविधियां भी बढ़ेंगी।
केसीसी बैंक कर्मचारी संगठन ने बैंक प्रबंधन से कर्मचारियों की लंबित पदोन्नति जल्द करने की मांग उठाई है। केसीसी बैंक मुख्यालय में संगठन की बैठक के बाद अध्यक्ष पंकज कुमार ने पत्रकारों को बताया कि संगठन ने अपनी मांगों को लेकर चर्चा की है, जिसमें क्लर्क से असिस्टेंट मैनेजर और हेल्पर कम पीयन से पीयन कम चौकीदार के पदों पर पिछले कुछ सालों से लटकी पदोन्नति जल्द करने की मांग प्रबंधन के समक्ष रखी गई है। करीब 485 कर्मचारी ऐसे हैं, जिनकी पदोन्नति लटकी हुई है। साथ ही बैंक में 25 साल बाद मिलने वाली विशेष वेतन वृद्धि की मांग को भी उठाया गया है। अब बैंक के सौ वर्ष हो चुके हैं और प्रबंधन जल्द इस दिशा में कदम उठाए। उन्होंने बैंक अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक का भी आभार भी काफी मांगें पूरी करने पर किया है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के नेतृत्व में बढ़िया काम हो रहा है और यही वजह है कि बैंक का लाभांश बढ़ने के साथ एनपीए भी कम हुआ है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि यदि बैंक प्रबंधन संघ की मांगों को स्वीकार नहीं करता है तो संगठन बैठक कर आगामी कदम को निर्णय लेगा। इस दौरान संगठन के महासचिव सुधीर दत्त गौतम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंद्र सिंह व संयुक्त सचिव अरूण कपूर व अन्य संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिस थाना देहरा के तहत पड़ते नक्की परागपुर में पुलिस ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति की फास्टफूड की दुकान से संतरा मार्का 24 बोतल देसी शराब बरामद की है। आरोपी की पहचान जनक सिंह निवासी गांव गढ़ के रूप मे हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी देहरा संदीप पठानिया ने कहा कि पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सबीना ने आज शक्तिपीठ श्री ज्वालाजी माता के मंदिर में पूजा-अर्चना कर शीश नवाया। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट प्रशासनिक जज विवेक सिंह ठाकुर भी उनके साथ उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर ने श्री ज्वालाजी मंदिर में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का स्वागत कर उन्हें समृति चिन्ह भेंट किया।
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सबीना ने शुक्रवार को देहरा में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय का उद्घाटन किया। देहरा में स्थापित इस न्यायालय से देहरा, ज्वालामुखी और आस पास के क्षेत्र के लाखो लोगों को न्यायिक सुविधा प्राप्त होगी। इस अवसर पर बचत भवन देहरा में आयोजित कार्यक्रम में न्यायमूर्ति सबीना ने कहा कि प्रदेश उच्च न्यायालय लोगों को उनके घर-द्वार के समीप तीव्र एवं किफायती न्याय सुनिश्चित बनाने के लिए समर्पित प्रयास कर रहा है। जनता के लिए न्याय व्यवस्था को अधिक सुगम और सुलभ बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने न्यायिक प्रकिया को अधिक जनमुखी बनाने के लिए बार एसोसिएशन और न्यायाधीशों के मिलकर काम करने की जरूरत को रेखांकित किया। उन्होंने नए कोर्ट के लिए बधाई देते हुए सभी सम्बंधित न्यायिक अधिकारियों और बार एसोसिएशन से इसे लेकर अपनी जिम्मेदारी समझने और गुणात्मक काम करने को कहा। प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर ने इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों को अतिरिक्त जिला एवं सत्र कोर्ट मिलने पर बधाई दी। उन्होंने जिला प्रशासन से लम्बित राजस्व मामलों के शीघ्र निपटारे को भी कहा। कार्यक्रम में प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर ने न्यायिक अधिकारियों और वकीलों से लोगों को तीव्र गति से न्याय प्रदान करने के लिए मिलकर काम का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अभी तक देहरा में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय की स्थाई व्यवस्था न होने से क्षेत्र के लोगों को संबंधित मामलों में न्यायिक सहायता के लिए धर्मशाला तक का सफर तय करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि इस कोर्ट के खुलने से ऐसे सभी लोगों को सहुलियत होगी। इस मौके वी एस गिल अध्यक्ष बार एसोसिएशन देहरा ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश को शाल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विवेक सिंह ठाकुर प्रशासनिक जज हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट, अजय मेहता सेशन जज कांगड़ा स्थित धर्मशाला, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश देहरा नितिन कुमार, अरविंद मल्होत्रा रजिस्ट्रार जनरल, चिराग सिंह भानु ओएसडी उच्च न्यायालय, न्यायाधीश नेहा दहिया, न्यायाधीश कनिका गुप्ता, वी.एस गिल अध्यक्ष बार एसोसिएशन देहरा, एसडीएम देहरा संकल्प गौतम, डीएसपी देहरा विशाल वर्मा सहित न्यायपालिका से जुड़े अधिकारी, अधिवक्ता एवं न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दस साल के बाद आईपीएल मैच होने जा रहा है। यह आईपीएल मैच मई में होगा। आईपीएल मैचों को देखने के लिए तिब्बती धर्मगुरू दलाई लामा स्टेडियम में आ सकते हैं। दरअसल हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन दलाई लामा को निमंत्रण देने की तैयारी कर रहा है। मैचों को लेकर इसी माह होने वाली बैठक में दलाई लामा सहित अन्य मेहमानों के नामों की लिस्ट फाइनल की जाएगी। 2010 में धर्मशाला स्टेडियम में पहली बार हुए आईपीएल मैच में तिब्बती धर्मगुरू दलाई लामा ने पंजाब और डेक्कन चार्जर के मैच में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की थी। जिसमें उन्होंने मैदान में उतरकर क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ मुलाकात की थी और आशीर्वाद दिया था। करीब 13 साल बाद एक बार फिर एचपीसीए तिब्बती धर्मगुरू को मैचों में बुलाने की तैयारी कर रहा है। एचपीसीए के सचिव अवनीश परमार ने कहा कि धर्मशाला में होने वाले दो आईपीएल मैचों में तिब्बती धर्मगुरू दलाई लामा को न्योता दिया जाएगा। इसके बाद सभी मेहमानों को मैच का न्योता दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर तिब्बती धर्मगुरू दलाईलामा मैच में आते है तो यह एचपीसीए सहित क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए गौरव की बात होगी। क्रिकेट जगत के कई खिलाड़ी तिब्बती धर्मगुरू दलाईलामा में आस्था रखते हैं। जब धर्मशाला में मैच होते हैं तो क्रिकेट खिलाड़ी एचपीसीए के सहयोग से दलाई लामा से उनके निवास स्थान पर मिलकर आशीर्वाद लेते हैं। इसके अलावा टीमों की फ्रेंचाइजी के मालिक और पदाधिकारी भी दलाई लामा से मिलते हैं।
विधायक पवन काजल ने कहा कि पुराना कांगड़ा से गाहलियां राजल, वौड कवालू सड़क के विस्तारीकरण पर 15 करोड़ खर्च कर इसे चकाचक कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि राजल में पूर्व बीजेपी सरकार द्वारा खोली पीएचसी को डिनोटिफाई कर मौजूदा सरकार ने क्षेत्रवासियों के साथ अन्याय किया है। राजल में पीएचसी को दोबारा शुरू करवाने के लिए वे प्रयासरत हैं, ताकि ग्रामीणों को घर द्वार पर उचित स्वास्थ्य सुविधा मुहैया हो सके। काजल राजल में आयोजित छिंज मेले में बोल रहे थे। उन्होंने कहा मेलों के आयोजन से युवा पीढ़ी में भाईचारा बढ़ता है और युवाओं को प्राचीन सभ्यता में संस्कृति से रूबरू होने का मौका मिलता है। काजल ने मेला कमेटी को सफल आयोजन के लिए 21 हजार रुपये की राशि भेंट की। काजल नें कहा चंगर क्षेत्र केलिए 23 करोड़ रुपए से पेयजल योजना बनकर तैयार हो गई है। ट्रायल सफल रहा है। मई महीने से लगभग एक दर्जन गांवों को पीने के पानी की सुविधा मुहैया करबा दी जाएगी। इस मौके पर मेला कमेटी अध्यक्ष अशोक खैरा, प्रधान राजिंद्र खैरा, ग्राम पंचायत प्रधान सकिन सिंह, उपप्रधान सुनील कुमार, अवतार सिंह, गुरवचन, रघुवीर, महिंद्र, हेमराज, शेर सिंह, कुलदीप सिंह, सुरजीत सिंह, रमेश चंद, मनोहर, अमरीक, सर्वजीत, मदन लाल, सुमित कुमार, इंद्रजीत, जीवन सिंह, वरयाम सिंह, अभिमन्यू , मुनीश, छुनकी सिंह भी उपस्थित रहे।
कांगड़ा पुलिस द्वारा Judicial Magistrate 1st Class Jaisinghpur द्वारा मारपीट, चोरी व अन्य मामलों में उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। आगामी कार्रवाई के लिए आरोपी को पुलिस थाना लंबागांव के हवाले कर दिया है। जानकारी के अनुसार सुरेंद्र कटोच पुत्र मदन चंद निवासी बार, तहसील जयसिंहपुर, जिला कांगड़ा पर पुलिस थाना धर्मशाला द्वारा विभिन्न मामलों में उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस द्वारा चालान तैयार कर Judicial Magistrate 1st Class Jaisinghpur के न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था। ट्रायल के दौरान आरोपी कोर्ट से लगातार गैरहाजिर रहा और इस पर न्यायालय द्वारा उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया गया। इसके उपरांत पुलिस टीम द्वारा आरोपी को पकड़ने के लिए विभिन्न जगहों पर दबिश दी गई, लेकिन आरोपी बार-बार पुलिस टीम को चकमा देकर भाग जाता था। आखिरकार कांगड़ा पुलिस की टीम ने आरोपी को जयसिंहपुर के सकोह से गिरफ़्तार करने में कामयाबी हासिल की। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कांगड़ा ने की है।
भवारना उपमंडल की ग्राम पंचायत खड्डूल के कलेहड़ गांव में हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान कलेहड़ गांव के हनुमान मंदिर में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें सभी गांववासियों ने भाग लिया। इस अलावा मंदिर में भंडारे का भी आयोजन किया गया, इसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसमें गांव के सभी लोगों, बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। इस दौरान डिंपल, अमित, तनिश, पंकुश, सहिल, रिंकू चौधरी, समीर, अश्वनी, आशु, सन्नी, नवीन, विनित, विनोद, महेंद्र पॉल, संजय सिंह, विपन, जसवीर व बलवीर आदि मौजूद रहे।
तंज़ानिया देश में अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची किलीमंजारों चोटी को गद्दी वेशभूषा (लुआंचड़ी) में फतेह करने वाली धर्मशाला की अंजलि शर्मा को हिमाचल का पर्यटन ब्रांड एंबेसेडर बनाने की मांग सरकार से उठी है। इसके लिए धर्मशाला के पूर्व विधायक विशाल नैहरिया मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को पत्र लिखेंगे। वीरवार को भाजपा के स्थापना दिवस पर धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विशाल नैहरिया ने अंजलि शर्मा को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल के युवाओं को प्रेरित करने के लिए होनहार युवाओं को आगे लाना चाहिए। अंजलि ने धर्मशाला, प्रदेश ही नहीं बल्कि देश का नाम रोशन किया है। भविष्य में युवाओं के लिए यह प्रेरणा स्त्रोत बन सकते हैं, इसके लिए सरकार को होनहार बेटी को प्रदेश का ब्रांड एंबेसेडर बनाया जाना चाहिए। इसी फेहरिस्त में अंजलि को ब्रांड एंबेसेडर बनाए जाने के मामले को प्रदेश सरकार से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बारे वह जल्द ही मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष चंदर भूषण नाग, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, महामंत्री सचिन शर्मा, रंजू रस्तोगी, पार्षद संतोष कुमारी, दिनेश कपूर आदि मौजूद रहे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश इकाई शाहपुर द्वारा छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर परिसर निदेशक को ज्ञापन सौंपा गया। परिषद की मुख्य मांगों में F-grade की परीक्षाओं के लिए आवेदन तिथि को आगे बढ़ाना और सभी परीक्षा प्रणाम जल्दी कोशिश करना, सीयूइटी परीक्षा में देरी आने के कारण प्रथम वर्ष के छात्रों की समेस्टर की समय अवधि कम होने के कारण उनका सिलेबस कम करना, प्रथम सत्र के छात्रों के लिए स्टूडेंट आई -कार्ड व लाइब्रेरी कार्ड की व्यवस्था जल्द से जल्द करना, शौचालयों में सफाई का प्रबंध करना, ऑर्डिनेंस 421 में 2020 बैच के शोध विद्यार्थी के बीच पैदा हुए संशय का निवारण करना, शोधार्थियों के बैठने की उचित व्यवस्था करना हैं। परिषद ने परिसर निदेशक को चेतावनी दी है कि उनकी मांगें जल्द से जल्द पूरा नहीं हुईं तो विधार्थी परिषद उग्र से उग्र आंदोलन करेगी।


















































