उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने कहा कि गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर 26 जनवरी को जिला स्तरीय समारोह मंडी के सेरी मंच पर पूर्ण हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह के मुख्य आकर्षण होंगे। समारोह में कोविड प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जाएगा। गुरुवार को गणतंत्र दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर संबंधित विभागों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने सभी विभागों को गणतंत्र दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को मुख्यातिथि प्रातः पौने 11 बजे संकन गार्डन स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने और गांधी चौक में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के उपरांत प्रातः 11ः02 बजे सेरी मंच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद वे परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी लेंगे और जिला वासियों के नाम अपना संदेश देंगे। समारोह में विभिन्न नाट्य दल सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राजीव कुमार, एएसपी राजेश कुमार, सहायक आयुक्त संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
लडभड़ोल: आयुष विभाग दिल्ली में डायरेक्टर पद पर कार्यरत लडभड़ोल के पैतृक निवासी, डॉ वीरेंदर शर्मा एम.डी (मेडिसिन) गोल्ड मेडलिस्ट, वीरवार को एक स्वास्थ्य सम्बंधित कार्यक्रम में दूरदर्शन पर बच्चों की बीमारियों से सम्बन्धित चर्चा को लेकर लाइव उपस्थित रहेंगे। यह कार्यक्रम 6 जनवरी, वीरवार शाम 4 बजे डी.डी उर्दू पर प्रसारित होगा। कार्यक्रम में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान के निदेशक भी मौजूद रहेंगे। लाइव कार्यक्रम के दौरान दर्शक अपने बच्चों की बीमारियों से सम्बंधित समस्याओं का हल फ़ोन पर भी पूछ सकते हैं।लडभड़ोल गांव में जन्मे व शिक्षा ग्रहण कर चुके डॉ वीरेंदर शर्मा दिल्ली में भारतीय चिकित्सा पद्धति के निदेशक के रूप में कार्यरत है। क्षेत्र के लिए यह बहुत ही गर्व की बात है कि लडभड़ोल से संबधं रखने वाले डॉ वीरेंद्र शर्मा नेशनल टेलिविज़न पर लाइव कार्यक्रम करेंगें।डॉ शर्मा का यह कार्यक्रम एयरटेल के चैनल नंबर 626, टाटा स्काई के चैनल 119, डिश टीवी के चैनल 213, रिलायंस डिजिटल के चैनल 971 व डेन के चैनल 799 पर शाम 4 बजे लाइव प्रसारित होगा। इसके अतिरिक्त इस कार्यक्रम को यूट्यूब के डी.डी उर्दू चैनल पर भी देखा जा सकता है।
सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक एवं सीपीएस ठाकुर सोहनलाल की अध्यक्षता में 11 परिवार के सदस्यों ने भाजपा छोड़ थामा कांग्रेस का दामन, उन्होंने बताया कि अब लोग भाजपा की जन विरोधी नीतियों से तंग आकर लोगों का भरोसा भाजपा से बिल्कुल उठ चुका है क्योंकि भाजपा ने इन 4 सालों में झूठे वादे करके और गुमराह करके जनता को सिर्फ ठगने का काम किया है, उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस पूरी तरह से मैदान में जुड़ चुकी है , यूथ कांग्रेस द्वारा बूथ स्तर पर कमेटियों का गठन किया जा रहा है जिसमें हर बूथ पर युवा बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं जो कि आने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अच्छे संकेत है, उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार झूठ बोलकर सत्ता में आई थी और आज स्थिति यह है कि हर वर्ग के लोग सड़कों पर उतर कर अपने हकों की लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर हो गए हैं, महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार काबू पाने के लिए असमर्थ नजर आ रही है, इस सरकार मे अधिकारी और कर्मचारी नेताओं के दबाव में काम करने को मजबूर हो गए है जो कि एक बहुत बड़ा चिंता का विषय है, उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आगामी आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट चुके हैं, उन्होंने कहा की जयराम सरकार अपने 4 साल से ज्यादा कार्यकाल में अभी तक बिल्कुल विफल साबित हुई है और इनकी जनविरोधी नीतियों को देखते हुए जनता भी अब बदलाव के मूड में है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पधर के प्रिंसिपल रविंदर कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि आईटीआई पधर में 10 जनवरी को एचआरवीएस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सौजन्य से सुजुकी मोटर लिमिटेड गुजरात ने इस कार्यालय में पुरुष आवेदकों की भर्ती के लिए पद अधिसूचित किये है। जिसके लिए शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक में 50% और आईटीआई में 60% अंको सहित फिटर, टर्नर बेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, टोल एंड डाई मेकर, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, मशीनिस्ट ट्रैक्टर/डीजल/मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, पेंटर जनरल, ऑटोमोबाइल(सीओई) के जिन पुरुष आवेदकों की उम्र 18 से 23 साल है और 2015 2021 में आईटीआई पास किया है के लिए शाक्षात्कार रखे गए है।
नव वर्ष के उपलक्ष्य में जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रकाश राणा द्वारा 'लोहडी मिलन समारोह' कार्यक्रम का आयोजन रविवार 9 जनवरी को प्रातः 10 बजे से सायं 4:30 बजे तक मच्छयाल मेला मैदान में करवाया जा रहा है। यह बात विधायक के प्रवक्ता अजय बावा ने कही। बावा ने कहा कि इस समारोह में विधानसभा क्षेत्र की निचला गरोडू, मसौली, दारट बगला, जलपेहड़, नेरघरवासड़ा, कस, भराडू, बिह, नोहली, बल्ह, चलाहरग, द्राहल, बुहला भडयाडा, कुठेहड़ा, पिपली, द्रुब्बल, धार, कोलंग, त्रेम्बली पंचायतों के महिला मंडल भाग लेंगें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में महिला मंडलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे वहीं उनके लिए खेल कूद प्रतियोगिता एवं महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य रीमा राणा बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगी। प्रथम चरण कार्यक्रम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी करवाया जाएगा। जिसमें रस्साकस्सी व म्यूजिक चेयर मुख्य रूप से शामिल रहेंगी। रस्साकस्सी में पहला स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 5 हज़ार रु, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 3 हज़ार रु व तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 15 सौ रु की नकद राशि ईनाम के रूप में दी जाएगी। वहीं म्यूजिक चेयर प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को15 सौ रु, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 1 हज़ार रु व तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 5 सौ की नकद राशि ईनाम के रूप में दी जाएगी। यह कार्यक्रम संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र में तीन चरणों में करवाया जा रहा है जिसमें प्रथम चरण का कार्यक्रम मच्छयाल मेला मैदान, दूसरे चरण का कार्यक्रम चौंतड़ा व तीसरे चरण का कार्यक्रम लड़भडोल में आयोजित करवाया जायेगा। दूसरे और तीसरे चरण की तिथियां बहुत जल्द सार्वजनिक कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए सभी पंचायतों से आने वाले महिला मंडलों को सात जनवरी तक पंजीकरण दस्तावेज के साथ नाम दर्ज करवाना होगा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोगिन्द्रनगर के एनएसएस स्वयंसेवी कर्ण सिंह जो बाहरवीं कक्षा में शिक्षा प्राप्त कर रहा है का चयन आरडी परेड 2022 शिमला के लिए हुआ है। यह जानकारी देते हुए पाठशाला के प्रधानाचार्य महेश प्रसाद ने बताया कि उसका चयन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोंदपुर, जिला ऊना में 27 दिसम्बर 2021 से 1 जनवरी 2022 तक चले चयन कैंप से हुआ है। प्रधानाचार्य ने स्वयंसेवी कर्ण सिंह, कार्यक्रम अधिकारी वीरी सिंह सहित समस्त स्टाफ सदस्यों को कर्ण सिंह के चयन पर बधाई दी।
जोगिंदर नगर उपमंडल की समस्त पाठशालाओं में से 6 विद्यार्थी इंस्पायर छात्रवृत्ति के लिए चुने गए, इनमें से 4 विद्यार्थी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बस्सी से संबंधित है। प्रधानाचार्य गुरविंदर कौर ने बताया कि कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों को यह छात्रवृत्ति साइंस एवं टेक्नोलॉजी विभाग भारत सरकार द्वारा ₹10000 सालाना दी जाती है। इन विद्यार्थियों ने विभाग को नवाचार से संबंधित अपने आइडियाज प्रेषित किए थे। पाठशाला की सुनिषिका कक्षा आठ, अनन्या कक्षा 8, वर्षा शर्मा कक्षा 6 व वंशिका ठाकुर कक्षा 8 को यह छात्रवृत्ति केंद्र सरकार द्वारा दी जाएगी ।
उपमंडल जोगिन्दर नगर के किसानों एवं बागवानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न बागवानी विकास योजनाओं बारे 06 जनवरी को वर्चुअल माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस दौरान जहां बागवानी विकास से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी लोगों के बीच रखी जाएगी तो वहीं प्रगतिशील किसानों के अनुभव भी लोगों के साथ साझा किये जाएंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने बताया कि लाइव वर्चुअल जन संपर्क-एक श्रृंखला के अंतर्गत तीसरे एपिसोड में आगामी 06 जनवरी को सायं 4 से 5 बजे तक बागवानी विकास से जुड़ी योजनाओं बारे लोगों से सीधा वर्चुअल जन संपर्क किया जाएगा। इस दौरान जहां बागवानी विभाग के अधिकारी बागवानी विकास से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी लोगों के बीच रखेंगे तो वहीं प्रगतिशील किसान व बागवान अपने अनुभव भी लोगों के बीच साझा करेंगे तथा योजनाओं के साथ जुडऩे के लिए किसानों व बागवानों को प्रेरित भी किया जाएगा। उनका कहना है कि इस लाइव वर्चुअल जन संपर्क एक श्रृंखला को शुरू करने का प्रमुख उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना है। साथ ही विभिन्न बागवानी विकास योजनाओं से अब तक हुई प्रगति की जानकारी को भी आम जनमानस के साथ साझा करना है। उन्होने बताया कि इसी श्रृंखला के तहत अबतक दो एपिसोड पूरे कर लिये गए हैं। जिनमें पहला एपिसोड कोविड वैक्सीनेशन एवं इससे जुड़ी भ्रांतियों जबकि दूसरा एपिसोड कृषि विकास योजनाओं एवं प्राकृतिक खेती बारे संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं विशेषज्ञों की मौजूदगी में जागरूक किया जा चुका है। उन्होने बताया कि एपिसोड तीन का सीधा प्रसारण एसडीएम जोगिन्दर नगर व एपीआरओ जोगिन्दर नगर के फेसबुक पेज व अकाउंट के साथ-साथ विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में 06 जनवरी को सायं 4 से 5 बजे के बीच किया जाएगा। इस दौरान बागवानी को लेकर किसान अपनी विभिन्न समस्याओं को भी रख सकते हैं जिस बारे बागवानी विकास अधिकारियों द्वारा यथा संभव समाधान करने का भी हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बस्सी तहसील जोगिंदरनगर में शनिवार को कलस्टर स्तरीय उत्कृष्ट स्कूल प्रबंधन समिति का चयन किया गया। प्रधानाचार्य गुरविंदर कौर ने बताया कि क्लस्टर स्तरीय उत्कृष्ट स्कूल प्रबंधन समिति में कुल 16 पाठशालाओं ने भाग लिया। माध्यमिक स्तर में राजकीय माध्यमिक पाठशाला, बल्ह चल्हारग प्रथम व राजकीय माध्यमिक पाठशाला गदियाड़ा दूसरे स्थान पर रहे। हाई स्कूल में राजकीय उच्च पाठशाला मझारनू प्रथम व राजकीय उच्च पाठशाला मनारू दूसरे स्थान पर रहे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बस्सी प्रथम व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला द्राहल दूसरे स्थान पर रहे। उत्कृष्ट स्कूल प्रबंधन समितियों को इस अवसर पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। किरण ठाकुर, विनोद गुलेरिया व रुबिन ठाकुर ने उत्कृष्ट एसएमसी के चयन में जज के रूप में भूमिका अभिनीत की।
जोगिंद्रनगर: 2 साल के बाद राजीव गांधी डिग्री कॉलेज जोगिंद्रनगर में एबीवीपी द्वारा टैलेंट हंट प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में माइंड ऑपरेशन अकादमी के निदेशक राम प्रकाश ठाकुर ने शिरकत की और बच्चों को नशे से दूर रहने के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आजकल बच्चे दिन प्रतिदिन गलत आदतों का शिकार हो रहे हैं इसकी वजह से समाज का बहुत ज्यादा नुकसान हो रहा है। बुरी आदत से बचने के लिए हमें अपने जीवन में अच्छी आदत अच्छी संगत और अच्छे गुरुओं का जीवन में अनुसरण करना पड़ेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान एनसीसी की छात्राओं ने पहाड़ी नाटी में प्रथम स्थान हासिल किया, दूसरा स्थान नृत्य में अंकिता ने हासिल किया और तीसरा स्थान गाना गाकर कोमल ने हासिल किया।
जोगिंद्रनगर। शानन स्थित वैदिक पब्लिक उच्च वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के बच्चों ने नए साल का स्वागत सांस्कृतिक कार्यक्रमों व क्लास पार्टी के साथ किया। बच्चों ने अपनी कक्षा अध्यापिकाओं को खुद डिजाइन किए ग्रीटिंग कार्ड दिए। इस दौरान बच्चों में एक अलग प्रकार का उत्साह देखा गया। स्कूल की प्रधानाचार्य कंचन ठाकुर व निदेशक मेघ सिंह ने बच्चों और अध्यापिकाओं को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी को अपनी पुरानी और बुरी यादों को पीछे छोड़कर एक नई शुरुआत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें नए साल की शुरुआत अच्छे कामों से करनी चाहिए। उन्होंने आने वाले साल में बच्चों के स्वास्थ्य व उज्ज्वल भविष्य की कामना।
जोगिंदरनगर में जन सुधार समिति की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में समिति की गैर सरकारी सदस्य मेघना ठाकुर ने मझारनू-भदरोल संपर्क सडक़ के सुधार का मामला उठाया। जिस बारे संबंधित विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आगामी 30 जनवरी तक मनरेगा के माध्यम से सडक़ के सुधार कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा। साथ ही अगले बजट में सडक़ के रखरखाव के लिये बजट का प्रावधान भी किया जाएगा। गैर सरकारी सदस्य कमल ठाकुर ने 22 केवी भराडू विद्युत उपकेंद्र में कर्मियों की तैनाती न होने का मामला रखते हुए कहा कि इससे इस क्षेत्र की चार ग्राम पंचायतों को बिजली की परेशानी से आये दिन समस्या उठानी पड़ रही है। इस संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 6 माह के लिये आउटसोर्स के आधार पर कर्मियों की तैनाती की जा रही है जिस बारे टैंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। समिति की गैर सरकारी सदस्य कृष्णा ठाकुर ने गांव टिकरी मुशैहरा के लिये बजगर खड्ड से बिना फिल्टर पीने के पानी की सप्लाई का मामला उठाया। इस बारे संबंधित विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत खराब पड़े फिल्टर को आगामी 31 मार्च तक रिपेयर कर दिया जाएगा तथा नये फिल्टर का भी निर्माण किया जाएगा। इस संबंध में एसडीएम ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि फिल्टर ठीक होने तक ट्यूबवेल के माध्यम से लोगों को पीने का पानी मुहैया करवाया जाए। गैर सरकारी सदस्य विक्रम सिंह ने पंडोल स्कूल में खराब सोलर लाइट्स की मामला उठाया जिस बारे एसडीएम ने संबंधित स्कूल के प्रशासन को इन्हे रिपेयर करने के निर्देश दिये। दलीप सिंह ने द्रुब्बल में वन विभाग के विश्राम गृह निर्माण न होने का मामला रखा, जिस पर संबंधित विभागीय अधिकारियों ने नियमों का हवाला देते हुए इसका निर्माण न होने का बात कही। एसडीएम वन विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में संपूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये। तेज सिंह ने हरिजन बस्ती आरठी पीने के पानी के लिये फिल्टर व भंडारण टैंक न होने का मामला रखा। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि फिल्टर ठीक से कार्य कर रहे हैं जबकि जल भंडारण के लिये नये टैंक के निर्माण कार्य को टैंडर दे दिये गए हैं। इसके अलावा अलग लाइन बिछाने का कार्य भी किया जा रहा है।
उपमंडल स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने कहा कि जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में रखे गए मामलों का संबंधित विभागीय अधिकारी समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित बनायें। उन्होने कहा कि जन शिकायत निवारण समिति की बैठक लोगों की समस्याओं को उठाने का यह एक महत्वपूर्ण मंच है तथा आने वाले समय में समिति की बैठक एक नियमित अंतराल के बाद सुनिश्चित की जाएगी ताकि जनसमस्याओं का एक निश्चित अवधि के भीतर निपटारा किया जा सके। एसडीएम मिनी सचिवालय परिसर में उपमंडल स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि जितने भी मामले इस बैठक में समिति के ध्यान में लाए गए हैं, उन पर समयबद्ध उचित कार्रवाई करते हुए मामले के निपटारे की जानकारी संबंधित गैर सरकारी सदस्यों को मुहैया करवाई जाए।उन्होने बैठक में भाग लेने वाले सभी गैर सरकारी सदस्यों का स्वागत भी किया तथा कहा कि उनके माध्यम से प्राप्त होने वाली जन शिकायतों को न केवल प्राथमिकता के आधार पर हल करने का पूरा प्रयास किया जाएगा बल्कि समय-समय पर इन मामलों की समीक्षा भी की जाएगी। साथ ही उन्होने बैठक में अनुपस्थित रहे विभागों से जबाव तलबी के भी निर्देश दिये।
राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल में सत्र 2020-21 की वार्षिक पत्रिका ‘विद्यार्थी दर्पण’ का विमोचन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य संजीव कुमार ने संपादक मंडल तथा विद्यार्थियों सहित समस्त महाविद्यालय परिवार को बधाई दी। पत्रिका के संपादक मंडल में डॉ.अमित कौड़ा मुख्य संपादक, प्रो तिलक हिंदी अनुभाग, डॉ.चंचल अंग्रेजी अनुभाग व प्रो.यश पाल पहाड़ी अनुभाग के साथ-साथ छात्र संपादकों में कविता हिंदी अनुभाग, तबस्सुम अंग्रेजी अनुभाग तथा मृदुल भारती पहाड़ी अनुभाग से शामिल रहे। इस अवसर पर पत्रिका के मुख्य संपादक डॉ.अमित कौड़ा ने बताया कि पत्रिका के तीनों अनुभागों हिंदी,अंग्रेजी व पहाड़ी के अंतर्गत महाविद्यालय के अधिकतर विद्यार्थियों ने अपनी विभिन्न रचनाओं को शब्दों में व्यक्त करके इसमें अपना सहयोग सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मंच प्रदान करना तथा उनकी प्रतिभा को खोज कर उसे विकसित करना ही पत्रिका प्रकाशन का प्रमुख उद्देश्य है। इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य संजीव कुमार ने कहा कि वार्षिक पत्रिका महाविद्यालय का दर्पण होता है। पत्रिका का स्तर महाविद्यालय के विद्यार्थियों की मनोदशा तथा उनके विचारों के साथ-साथ संस्थान की दिशा व दशा का भी परिचय देती है। इस मौके पर उन्होंने अपने सभी सहयोगियों को इस उत्कृष्ट कार्य व निरंतर प्रयासों के लिए धन्यवाद व शुभकामनाएं प्रेषित की।
लडभडोल। क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाग के गांव मकलोटा के डक नाला में स्थित नवनिर्मित मां दुर्गा मंदिर से चोरी होने का मामला सामने आया है। बाग पंचायत के मकलोटा गांव के निवासी व पूर्व बीडीसी सदस्य संजीव राणा से मिली जानकारी के अनुसार मंदिर में मां दुर्गा से गहने चोरी हो गए हैं। वहीं ग्राम पंचायत बाग प्रधान राजीव खान ने पुलिस विभाग से अनुरोध किया है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए। वहीं पुलिस चौकी प्रभारी मुंशी राम ने कहा कि डक नाला में नवनिर्मित माता दुर्गा के मंदिर में जाकर गांव वासियों से बात की गई है, इसके बाद आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
करसोग क्षेत्र के छोटे से गांव पाटी में जन्मे सुरेश ओबरॉय को संगीत संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन व उत्कृष्ठ समाज सेवा के लिए राज्य स्तरीय हिमाचलो री शान पुरस्कार से सम्मानित किया गय। यह कार्यक्रम हिमाचल एकता मंच के सौजन्य से कटरांई कुल्लू में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि बतौर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव भुवनेश्वर गौड ने शिरकत की, जिनके साथ अन्य विशिष्ठ अतिथि बिटिया फाउंडेशन राष्ट्रीय संस्था की संस्थापक डॉ ज्योत्स्ना जैन कोषाध्यक्ष प्रांजल जैन मोहन हंस आदि उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में हिमाचल की अनेक श्रेणियों के कलाकार महिलामंडलों समाज सेवकों सैनिको अन्य विधाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वालों तथा हुनरबाज सीजन चार पांच माडलिंग के विजेताओं में हरगुन मेधांश दीक्षा काव्य वर्मा व अजय विमल आदि को सम्मानित किया गया। सुरेश ओबरॉय लगभग 15 साल से समाजहित के कार्य में संगीत संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन उच्च शिक्षा खेल स्कूल कॉलेजों में बच्चों के लिए प्रश्नोत्तरी की प्रतियोगिता पर्यावरण जल संरक्षण स्वच्छता नशा निवारण संगीत की शिक्षा निशुल्क देना आदि कई प्रकार के कार्य रहे हैं, जिसके लिए इन्हे विभिन्न संस्थाओं के द्वारा कई बार सम्मानित भी किया गया जोकि एक प्रेरणादायक है जिसका श्रेय इन्होने अपने माता-पिता व गुरुजनों को दिया है।
जोगिन्दर नगर की उपमंडल स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक 30 दिसंबर को प्रात: साढ़े 11 बजे मिनी सचिवालय के सभागार में निर्धारित की गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने बताया कि उपमंडल स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक 30 दिसंबर को प्रात: साढ़े 11 बजे मिनी सचिवालय जोगिन्दर नगर के सभागार में निर्धारित की गई है। उन्होने समिति के सभी सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों से निर्धारित तिथि, स्थान व समय के अनुसार बैठक में भाग लेने का आग्रह किया है।
देश में कोरोना का खतरनाक वेरिएंटओमीक्रोन तेज़ी से बढ़ रह है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में भी ओमीक्रोन का एक मामला सामने आया है। इसी के चलते कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की जांच के लिए प्रदेश की राजधानी शिमला, मंडी और कांगड़ा में अब जीनोम सीक्वेंसिंग लैब खोली जाएंगी। केंद्र सरकार ने राज्य के आईजीएमसी, मंडी और टांडा अस्पताल में में लैब खोलने का प्रस्ताव भेजा है। हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि यह लैब कब तक खुलेंगी। इस लैब को खोलने में दो से तीन महीने का वक्त लग सकता है। देश भर में ओमिक्रॉन संक्रमण ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। हिमाचल में यह सुविधा नहीं है। यहां सैंपल लेने के बाद जांच के लिए केंद्र की नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (एनसीडीसी) लैब दिल्ली भेजे जा रहे हैं। वहां से रिपोर्ट आने में समय लग रहा है। ऐसे में अगर प्रदेश में यह लैब खुल जाती है तो इससे काफी लाभ होगा। निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. रजनीश पठानिया ने बताया कि लैब खुलने से टेस्ट रिपोर्ट जल्द मिल पाएगी।
जयराम सरकार की उपब्धियों भरे चार साल पर मंडी में आयोजित पीएम नरेंद्र मोदी की सफल रैली से आज कांग्रेस के होश उड़ गए है। प्रदेश भाजपा ने 27 दिसंबर को कांग्रेस द्वारा काला दिवस मनाए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की है। भाजपा के महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, त्रिलोक कपूर एवं राकेश जम्वाल ने कहा कि शायद से कांग्रेस ने अपने पिछले कारनामों को याद करते हुए ही काला दिवस मनाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस के इस ड्रामे को प्रदेश की जनता हमेशा याद करेगी। भाजपा नेताओ ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने हमेशा हिमाचल को विकास की दृष्टि से देखा है। भाजपा नेता ने कांग्रेस से पूछा कि जब देश में यूपीए की सरकार थी तो क्या कभी प्रधानमंत्री ने हिमाचल आने की जहमत उठाई? भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के उस बयान पर पलटवार किया जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रदेश सरकार के चार साल निराशाजनक रहे। उन्होंने कहा कि मंडी के पड्डल मैदान में हुई सफल रैली और लाखों की संख्या में यहां पहुंचे लोगों की भीड़ देख कांग्रेस नेताओं के होश उड़ गए हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि कुलदीप सिंह राठौर और मुकेश अग्निहोत्री बार-बार जो सरकारी पैसे के दुरुपयोग का झूठा आरोप लगा रहे हैं, वे भूल गए कि तत्कालीन वीरभद्र सरकार में राहुल गांधी की मंडी वाली चुनावी रैली सरकारी खर्चे पर हुई थी। भाजपा नेता ने कहा कि भाजपा हर साल प्रदेश की प्रगति में योगदान देकर जनता के साथ जश्न मनाएगी और हताशा होकर कांग्रेस काला दिवस मनाते रहेगी। भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हिमाचल को दी गई करोड़ों की सौगात के लिए कायदे से तो कांग्रेस नेताओं को भी तालियां बजानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की जयराम सरकार ने हिमाचल में विकास की रफ्तार में तेजी लाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने एक ही दिन, एक ही जगह से हिमाचल को 11 हजार करोड़ से अधिक रुपये के प्रोजेक्ट्स सौगात दी, जिसे अब कांग्रेस पचा नहीं पाएगी। उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा फिर से सत्ता में आएगी।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्य सभा सांसद जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हिमाचल में जिन परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है, उससे प्रदेश में विकास को नई गति मिलेगी। लोगों को रोजगार के असीम अवसर मिलने के साथ उनके जीवनस्तर में भी सुधार आएगा। प्रदेश के कल्याण और इसे आगे बढ़ाने के लिए मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है। नड्डा ने कहा कि प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए प्रतिपल समर्पित रहने वाले आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हिमाचल में ₹11,000 करोड़ से अधिक की पनबिजली परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। मैं मोदी का सभी हिमाचल वासियों की ओर से हृदय से धन्यवाद करता हूँ। नड्डा ने कहा हिमाचल में डबल इंजन की सरकार के सफल 4 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मैं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप व भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूँ। 4 वर्षों में प्रदेश ने प्रगति के नए आयाम स्थापित किए और कोरोना से प्रदेशवासियों को सुरक्षित रखने में बड़ी सफलता प्राप्त की।
राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मण्डी में आदर्श नशामुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र का दौरा किया। इस केन्द्र का संचालन क्षेत्रीय अस्पताल मण्डी द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण के तत्वावधान में किया जा रहा है। उन्होंने केन्द्र की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की और वहां प्रदान की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। राज्यपाल ने प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक भी की और अधिकारियों को इस केन्द्र में टेनिस, चैस, योगा और मैडिटेशन इत्यादि इन्डोर सुविधाएं उपलब्ध करवाने को कहा। उन्होंने उपचाराधीन लोगों के पुनर्वास के लिए एक योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ.देविन्दर ने केन्द्र की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर उपायुक्त मण्डी अरिन्दम चैधरी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मण्डी में हिमाचल प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्ज़ मीट की दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी की भी अध्यक्षता की। इस आयोजन में 28,197 करोड़ रुपये लागत की 287 निवेश योग्य परियोजनाओं को धरातल पर उतारा गया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आर्थिक विकास को गति प्रदान करने के साथ-साथ लगभग एक लाख रोजगार के अवसर सृजित होने की सम्भावना है। मेगा परियोजनाओं में एसजेवीएनएल द्वारा 7000 करोड़ रुपये की लागत की रेणुकाजी बांध परियोजना, मैसर्ज़ एसएमपीपी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 2,000 करोड़ रुपये लागत का राज्य का पहला डिफेंस पार्क, मैसजऱ् किनवन प्राइवेट लिमिटिड द्वारा 850 करोड़ रुपये लागत की एपीआई इकाई, मैसजऱ् इंडो फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड द्वारा 510 करोड़ रुपये लागत से राज्य का पहला डिफेंस पार्क शामिल हैं। इसके अलावा, उद्योग और ऊर्जा के साथ-साथ पर्यटन, स्वास्थ्य, आयुर्वेद आदि क्षेत्रों से सम्बन्धित परियोजनाएं भी धरातल पर उतारी गईं। उन्होंने इस अवसर पर राज्य की स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति का अनावरण भी किया। प्रधानमंत्री ने वर्तमान राज्य सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित ‘सेवा और सिद्धि के, 4 साल समृद्धि के’ काॅफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। यह काॅफी टेबल बुक सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा तैयार की गई है। इस अवसर पर वर्तमान राज्य सरकार की विभिन्न उपलब्धियों पर आधारित विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने शाॅल, हिमाचली टोपी और त्रिशूल भेंट कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने छोटी काशी मण्डी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश का सौभाग्य है कि हमें प्रधानमंत्री का विशेष स्नेह प्राप्त है और वह राज्य की विकासात्मक मांगों के प्रति सदैव संवेदनशील रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का भी प्रधानमंत्री के साथ विशेष नाता है और यह राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस छोटी काशी को धार्मिक पर्यटन के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मंडी के कंगनीधार में 183 करोड़ रुपये की लागत से शिवधाम का निर्माण किया जा रहा है। इस दौरान केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रदेश तथा प्रदेशवासियों के लिए विशेष स्नेह रखते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एम्स, ऊना में पीजीआई का सेटेलाइट केंद्र, चार मेडिकल काॅलेज, विभिन्न मेगा परियोजनाएं प्रधानमंत्री के आशीर्वाद के कारण ही सम्भव हो पाई हैं। उन्होेंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा आज कई वर्षो तक लम्बित रेणुका जी परियोजना तथा धौलासिद्ध परियोजना का शिलान्यास किया गया जो केवल प्रधानमंत्री के प्रयासों से ही सम्भव हो पाया है। उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान को देश में सफल बनाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल एवं मजबूत नेतृत्व को जाता है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सांसद कांगड़ा संसदीय क्षेत्र किशन कपूर, सदस्य राज्यसभा इन्दु गोस्वामी प्रधानमंत्री के साथ मंच पर उपस्थित थे जबकि हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, विभिन्न बोर्ड तथा निगमों के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्तमान राज्य सरकार के चार साल के कार्यकाल के पूरा होने के अवसर पर आज मण्डी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान से राज्य के लिए लगभग 11,581 करोड़ रुपये लागत की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। प्रधानमंत्री ने मण्डी से वर्चुअल माध्यम से हिमाचल प्रदेश पावर काॅरपोरेशन लिमिटेड (एचपीपीसीएल) द्वारा 2082 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 111 मेगावाट क्षमता की सावड़ा कुड्डू जल विद्युत परियोजना का लोकार्पण किया। शिमला जिले में पब्बर नदी पर प्रसिद्ध हाटकोटी मंदिर के समीप निर्मित इस परियोजना से प्रतिवर्ष 386 करोड़ यूनिट विद्युत उत्पादन होगा और एचपीपीसीएल के माध्यम से राज्य को लगभग 120 करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व प्राप्त होगा। उन्होंने सिरमौर जिले में गिरी नदी पर 7000 करोड़ रुपये के रेणुका जी बांध और हमीरपुर व कांगड़ा जिले में ब्यास नदी पर बनने वाले भारत सरकार और राज्य सरकार के संयुक्त उपक्रम 66 मेगावाट क्षमता की धौलासिद्ध जल विद्युत परियोजना की आधारशिला भी रखी। सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड द्वारा क्रियान्वित की जा रही इस परियोजना को 688 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने शिमला और कुल्लू जिलों में सतलुज नदी पर 1811 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली 210 मेगावाट क्षमता की लुहरी स्टेज-1 जल विद्युत परियोजना का शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों के साथ उनके भावनात्मक संबंध हैं। उन्होंने राज्य सरकार को चार साल का महत्वपूर्ण कार्यकाल पूर्ण करने के लिए भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस डबल इंजन सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि महामारी के दौरान भी विकास की गति निर्बाध रूप से चलती रहे। उन्होंने कोविड-19 महामारी को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य में शत-प्रतिशत पात्र आबादी का टीकाकरण राज्य सरकार के समर्पित और प्रतिबद्ध प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य को वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एम्स, अटल टनल और चार चिकित्सा महाविद्यालय प्राप्त हुए हैं। प्रधानमंत्री ने नए भारत की बदली हुई कार्यशैली को दोहराया। पर्यावरण लक्ष्यों से जुड़े कार्यों की रफ्तार पर बात की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने 2016 में ये लक्ष्य रखा था कि वो साल 2030 तक, अपनी कुल स्थापित बिजली क्षमता का 40 प्रतिशत, गैर-जीवाश्म ऊर्जा स्रोतों से पूरा करेगा। आज हर भारतीय को इसका गर्व होगा कि भारत ने अपना ये लक्ष्य, इस साल नवंबर में ही प्राप्त कर लिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा देश जिस प्रकार से पर्यावरण को बचाते हुए विकास को गति दे रहा है, उसकी विश्वभर में प्रशंसा हो रही है। सोलर पावर से लेकर हाइड्रो पावर तक, पवन ऊर्जा से लेकर ग्रीन हाइड्रोजन तक, देश रिन्यूएबल एनर्जी के हर संसाधन को पूरी तरह इस्तेमाल करने के लिए निरंतर काम कर रहा है। राज्य के शानदार प्रदर्शन के बारे में चर्चा करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि हिमाचल ने अपनी पूरी वयस्क जनसंख्या को वैक्सीन देने में सबसे बाजी मार ली। यहां जो सरकार में हैं, वो राजनीतिक स्वार्थ में डूबे नहीं बल्कि उन्होंने पूरा ध्यान, हिमाचल के एक-एक नागरिक को वैक्सीन कैसे मिले, इसमें लगाया है। इससे पूर्व, प्रधानमंत्री ने प्रदर्शनी स्थल का दौरा किया और प्रदर्शनी में गहरी रूची दिखाई।
क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय करसोग की ओर से दिसंबर माह के लिए मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर(एमवीआई) के दौरे की सूची जारी कर दी गई है। इसके तहत गाड़ियों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट के लिए तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। जारी सूची के अनुसार करसोग उपमंडल के तहत वाहनों के लिए पासिंग और ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट 30 दिसंबर को लिया जाएगा। वाहन पंजीकरण एवं अनुज्ञापन प्राधिकरण करसोग के अधिकारी सनी शर्मा ने कहा कि गाड़ियों की पासिंग व ड्राइविंग टेस्ट की तिथियां निर्धारित की गई हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान एमवीआई निर्धारित तिथि को टेस्ट लेने के लिए मौके पर मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के खतरे को देखते हुए मौके पर सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनना अनिवार्य रहेगा। उन्होंने कहा कि एक दिन में 110 वाहन ही इंस्पेक्ट किए जाएंगे। टोकन की प्रक्रिया ऑनलाइन ऑफलाइन रहेगी।
हिमाचल प्रदेश में भी कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन की एंट्री हो गई है। प्रदेश में सबसे पहला मामला जिला मंडी में पाया गया है। कनाडा से मंडी पहुंची एक महिला ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित पाई गई है। पुरे देश में कोरोना का नया वेरिएंट तेज़ी से पैर पसार रहा है और अब हिमाचल में भी ओमीक्रॉन की एंट्री से हड़कंप मच गया है। ऐसे में बढ़ते ओमीक्रॉन के खतरे के बीच प्रदेश में कई पाबंदिया लागू होने के भी आसार लग रहे है। ओमीक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित पायी गई महिला की उम्र 45 साल है। 3 दिसंबर को महिला कनाडा से मंडी लौटी थी। जानकारी के मुताबिक महिला को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है। महिला को वैक्सीन की दूसरी डोज 25 अप्रैल 2021 को लगी थी। 18 दिसंबर को महिला के सैंपल दिल्ली भेजे गए थे। 26 दिसंबर को आई रिपोर्ट में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एनसीडीसी (नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल) नई दिल्ली को जीनोम अनुक्रमण के लिए कोविड-19 पॉजिटिव के 7 नमूने भेजे गए थे। इनमें कनाडा से मंडी आई महिला की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रविवार तक हिमाचल समेत देश के 19 राज्यों में कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन के मामले सामने आये है। ब्रिटेन में जहां कोरोना वायरस के नए स्वरूप ने तहलका मचा दिया है वहीं भारत में भी अब ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। इसी बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन का दावा है कि तेजी से फैलने वाले वेरिएंट ओमिक्रोन की वजह से देश में कोरोना की तीसरी लहर भी आ सकती है। हालांकि राहत की बात यह है कि यह वेरिएंट कम घातक है और लोगों को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत कम ही पड़ती है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अमेरिका, यूरोप और अफ्रीका में यह वायरस हावी हो गया है और डेल्टा से तेज रफ्तार से फैल रहा है। हालांकि देखा यह गया है कि जो लोग भी ओमिक्रोन से संक्रमित हैं, उनमें हल्के लक्षण देखे जाते हैं और अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत बहुत कम पड़ती है। मामले बढ़े तो बढ़ेगी पाबंदियां कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के मामले आने के बाद देश के कई राज्य नाईट कर्फ्यू सहित कई पाबंदियां लगा चुके है। ऐसे में जरुरत पड़ने पर हिमाचल प्रदेश में भी नाईट कर्फ्यू सहित अन्य पाबंदियां लगाई जा सकती है।
नगर परिषद के उपाध्यक्ष अजय घरवाल ने जलशक्ति विभाग के द्वारा नगर परिषद के सीवरेज व्यवस्था से छूटे लोगों को जोड़ने के लिए पुनः कार्य शुरू करने का स्वागत किया है। उन्होंने ने कहा कि जलशक्ति विभाग द्वारा उनके दो घंटे के सांकेतिक धरने के बाद जो जलशक्ति विभाग को शुक्रवार तक सीवरेज कार्य शुरू करने को कहा था उस समय अवधि में विभाग द्वारा कार्य शुरू तो कर दिया गया है, परन्तु विभाग अब भी इस कार्य को सही तरीके से करने के लिए गंभीर नहीं दिख रहा है। नगर परिषद के उपाध्यक्ष अजय घरवाल ने कहा कि विभाग को सीवरेज कार्य शुरू करने के लिए शुक्रवार तक का वक्त दिया गया था तथा विभाग ठेकेदार के माध्यम से मात्र सात मजदूर कार्य पर लगा कर आंखों में धूल झोंकने का कार्य कर रहा है जोकि सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने ने कहा कि वे स्वयं विभाग की कार्य प्रणाली पर नज़र रखे हुए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए प्रदेश भाजपा सदस्य आशा ठाकुर की अध्यक्षता में जोगिंदरनगर में बैठक आयोजित की गई। जिसमें हिमाचल प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर मंडी रैली को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आशा ठाकुर ने बताया कि मंडी में आयोजित होने वाली रैली में जोगिंदरनगर विसक्षेत्र से 1500 महिलाएं भाग लेंगी व मंडी में देश के प्रधानमंत्री का धूमधाम से स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैठक में सभी कार्यकर्ताओं को मंडी में आयोजित होने वाली रैली के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि 27 दिसम्बर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में सैंकड़ो गाड़ियों का काफिला जोगिंदरनगर से देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत के लिए रवाना होगा। बैठक में महिला मोर्चा अध्यक्ष मेघना ठाकुर, जिला परिषद व महामंत्री ममता भाटिया, प्रदेश सचिव सावित्री शर्मा, बीडीसी वंदना ठाकुर, पार्षद शिखा, सदस्य पीताम्बरी, मीरा ठाकुर, प्रेमलता, निको देवी मीडिया प्रभारी सीमा वालिया उपस्थित रहे।
शांति निकेतन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में क्रिसमस का पर्व बहुत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सैंटाक्लॉज़ ने बच्चों को टॉफी बाँटी। स्कूल की प्रधानाचार्य परवीन गुलेरिया ने बच्चों को क्रिसमस की व नये साल की बहुत-बहुत बधाई दी। स्कूल के प्रबंधक विकास गुप्ता ने बच्चों को करोना महामारी से बचने के लिए कहां और सभी के स्वस्थ रहने की कामना की।
डीएवी विद्यालय जोगिंदरनगर में क्रिसमस का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान विद्यालय के सभी बच्चों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। बता दें कि क्रिसमस ईसाइयों का सबसे बड़ा त्यौहार है। इसी दिन ईसाईयों के प्रभु ईसा मसीह का जन्म हुआ था। कई देशों में इस दिन सांता क्लोज़ की प्रथा का अनुसरण किया जाता है। छोटे बच्चे सांता क्लॉज़ से नए-नए गिफ्ट की आशा करते हैं और उसी दिन सांता क्लॉज़ उनकी इच्छा पूरी करते हैं। वंही विद्यालय की प्रबुद्ध प्राथमिक शिक्षिका अरुणा गुलेरिया ने सांता क्लॉज बन कर बच्चों को मिठाइयां बांटी और सभी का मनोरंजन किया। प्राचार्य संजय ठाकुर की ओर से समस्त विद्यालय को क्रिसमस पर्व की हार्दिक बधाई दी गई।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी के निकट कंगनीधार में प्रस्तावित शिवधाम के निर्माण कार्यों का जायजा लिया और इस महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रगति कार्य की समीक्षा की। इस परियोजना का प्रथम चरण लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण होगा।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस परियोजना का कार्य समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए ताकि इस परियोजना की लागत में वृद्धि से बचा सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा नई राहें नई मंजिलें योजना के अन्तर्गत क्रियान्वित की जा रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह परियोजना पूर्ण होने के बाद प्रदेश में आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी। इसमें 12 ज्योर्तिलिंगो की प्रतिकृतियां स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले साल जुलाई के अन्त तक इस परियोजना के पूर्ण होने का अनुमान है। मंडी के उपायुक्त अरिंदम चैधरी और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अन्य अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सैन्थल में शिक्षा संवाद का आयोजन स्कूल प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। जिसमें विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम, पढ़ाई में कमज़ोर छात्रों के शिक्षा सुधार से संबंधित, हर-घर पाठशाला के महत्व, नई शिक्षा नीति-2020 तथा विद्यालय की अन्य समस्याओं के विषय में विस्तृत रूप से चर्चा की गई। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत साफ-सफाई की ओर विशेष ध्यान देने के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या रमन सूद एवं अन्य अध्यापकों ने भी अपने विचार रखे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल सुंदरनगर में आयोजित हो रही जिला स्तरीय एनएसएस की वार्षिक पीआरडी शिविर में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऐहजु के 2 स्वंयसेवी हिस्सा लेने जा रहे हैं। जानकारी देते हुए प्रधानाचार्या मीना कुमारी ने कहा कि सुंदरनगर में वार्षिक पीआरडी के लिए ऐहजु स्कूल के 12वीं कक्षा का छात्र विवेक कुमार और 12वीं कक्षा की ही छात्रा पलक वर्मा का चयन हुआ है जोकि 28 दिसंबर से 1 जनवरी तक आयोजित होगा। प्रधानाचार्या मीना कुमारी ने दोनों स्वयंसेवियों एवं एनएसएस प्रभारी राकेश कुमार व अंजना कुमारी को इसके लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मण्डी जिला के राजकीय नागरिक अस्पताल सुन्दरनगर में 1.50 करोड़ रुपये से अधिक लागत से निर्मित 500 एलपीएम क्षमता वाले प्रैशर स्विंग एब्जाॅप्र्शन प्लांट (पीएसए) का उदघाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले चार वर्षों के दौरान सुन्दरनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास पर विशेष बल दिया है। उन्होंने कहा कि पिछली कांगे्रस सरकार ने सुन्दरनगर क्षेत्र के विकास के सम्बन्ध में केवल बड़े-बड़े दावे किए गए हैं, परन्तु वास्तविकता में उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा समाज के हर व्यक्ति का विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोविड आरम्भ होने के समय केवल दो पीएसए प्लांट थे जबकि आज प्रदेश के विभिन्न भागों में 41 पीएसए प्लांट कार्यशील हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम और मजबूत नेतृत्व में देशभर में सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने राज्य की पात्र आबादी के शत-प्रतिशत टीकाकरण की उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिला कुल्लू के मलाणा और जिला कांगड़ा के बड़ा भंगाल जैसे दूर दराज के क्षेत्रों में हैलीकाॅप्टर की विशेष उड़ानों के संचालन के माध्यम से टीके की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर प्रदेश के किसानों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के कृषक वर्ग का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, क्योंकि प्रदेश की लगभग 90 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है जिनका मुख्य व्यवसाय कृषि है। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के कुछ प्रगतिशील किसानों को भी सम्मानित किया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के बाड़ी में एक पशु औषधालय खोलने की घोषणा भी की। इसके पश्चात सुन्दरनगर के पुंग में हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक की 266वीं शाखा का उदघाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बैंक ग्रामीण उपभोक्ताओं को प्रभावशाली कुशल बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ वितरण में 25 प्रतिशत की भागीदारी है। उन्होंने बैंक के अध्यक्ष उदय चन्द्र और बैंक के अन्य सदस्यों के प्रयासों की भी सराहना की।
अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाने वाले प्रदेश के जलशक्ति व बाग़वानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की तबीयत अचानक ज़्यादा बिगड़ गई है। तबीयत ज़्यादा बिगड़ने के बाद उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। ख़राब तबीयत के चलते हाल ही में हुई कैबिनेट की बैठक में भी मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर नही पहुंच पाए थे।
उपमंडल सरकाघाट के तहत आत्मा परियोजना मंडी की ओर से सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती जागरूकता शिविर का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जमणी में किया गया। शिविर की अध्यक्षता स्कूल की प्रधानाचार्य अच्छरू राम शर्मा ने की, वहीं कृषि विभाग की ओर से खंड तकनीकी प्रबंधक महेन्द्र, सहायक तकनीकी प्रबंधक देवेंद्र कुमार, मास्टर ट्रेनर जगत राम ने स्कूली छात्रों को प्राकृतिक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस जागरूकता शिविर के दौरान बच्चों ने गांव में प्राकृतिक खेती में लगे प्रदर्शनी स्थल का भी दौरा कर जानकारी जुटाई खंड तकनीकी प्रबंधन गोपालपुर की टीम ने विद्यार्थियों को खाद और कीटनाशकों के दुष्प्रभावों के बारे में अवगत करवाया तथा उन्हें प्राकृतिक खेती की महत्ता के बारे में विस्तार से समझाया। विद्यार्थियों को सभी प्रकार की प्राकृतिक खाद और कीटनाशकों जैसे देरास्त्र, ब्रह्मास्त्र को प्रयोगात्मक रूप से बनाकर भी सिखाया। खंड तकनीकी प्रबंधक गोपालपुर की टीम ने बच्चों को देसी गाय के महत्व के बारे में भी बताया तथा उन्होंने सुभाष पालेकर खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्राकृतिक खेती के लिए मिलने वाले सभी प्रकार के अनुदाओं की जानकारी दी तथा प्राकृतिक खेती प्रदर्शन के दौरान बच्चों ने प्राकृतिक खेती करने और मिश्रित रूप से खेती करने के फायदों के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को वर्तमान प्रदेश सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस महीने की 27 तारीख को मंडी में आयोजित होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित रैली के आयोजन स्थल पड्डल मैदान का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए अधिकारियों को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, उपायुक्त अरिंदम चैधरी, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
भारत के पांचवे प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के मौके पर हर साल यह खास दिन मनाया जाता है। चौधरी चरण सिंह ने अपने कार्यकाल में कृषि क्षेत्र के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। साथ ही किसानों का जीवन अच्छा हो इसके लिए नीतियों की शुरुआत की गई थी। भारत सरकार 2001 से हर साल 23 दिसंबर को किसान दिवस मनाती है आ रही है। देश के वर्तमान प्रधानमंत्री ने भी किसानों के हितों में बहुत सारे वादे किये थे। लेकिन एक साल के अंदर रासायनिक खादों के दामों में 40 प्रतिशत तक हुई बढ़ोतरी ने एक तरफ 2022 तक किसानों की आय को दोगुनी करने के लक्ष्य पर सवालिया निशान लगा दिए हैं वहीं किसानों की चिंता को भी बढ़ा दिया है। हिमाचल प्रदेश में गेहूं, नकदी फसलों और सेब के बगीचों में किसानों द्वारा पोटास और 12-32-16 का इस्तेमाल किया जाता है। खादों की कमी और रेट में बढ़ोतरी चुनावी साल में सत्ताधारी पार्टी के लिए भी चुनौती खड़ी कर सकती है। नए दाम के अनुसार 12:32:16 खाद 285 रुपये तक महंगी मिलेगी। यानी जीएसटी के साथ 1470 रुपये प्रति बोरी मिलेगी। पहले इसका दाम 1185 रुपये प्रति बोरी था। 15:15:15 खाद भी 170 रुपये महंगी मिलेगी। यह खाद 1350 रुपये में जीएसटी के साथ मिलेगी। इसका पुराना दाम 1180 रुपये था। म्यूरेट ऑफ पोटाश के दाम में भी 190 रुपये का उछाल आया है। 850 रुपये में मिलने वाली इस खाद के लिए अब 1040 रुपये चुकाने होंगे। किसान एक मात्र ऐसा व्यापारी है जो अपने माल की कीमत खुद तय नहीं करता। कोई दूसरा व्यक्ति उसके माल की कीमत तय करता है। लेकिन फसल तैयार करने के लिए उसे जिन उपकरणों व खादों की जरूरत पड़ती है उसके लिए किसान को हर तरह की कीमत चुकानी पड़ती है। बावजूद इसके हाल ही में हुई खादों के दाम में वृद्धि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। एक तरफ तो 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने की बात कही जाती है तो वहीं दूसरी तरफ खादों व कीटनाशकों के दामों में बेलगाम वृद्धि ने किसानों की हालात बदतर कर दी है। पोटाश सेब की बागवानी में महत्वपूर्ण उर्वरक है। इसकी कीमतों में वृद्धि किसानों की जेब पर तगड़ा प्रभाव डालेगी। दूसरी तरफ मौसम की मार से प्रभावित किसानों को राहत नहीं मिल पा रही है। लगातार उर्वरकों की खप्त हिमाचल में बढ़ती जा रही है। 1985-86 उर्वरकों की खप्त 23,664 थी जो 2018-19 में बढ़कर 57,560 हो गई थी। करसोग के समाज सेवी बंसी लाल कौंडल कहते हैं कि एक तरफ सरकार खादों और किटनाशको के रेट बढ़ाती है दूसरी तरफ फसलों के उचित मूल्य भी नहीं देती। हिमाचल में सरकार द्वारा सेब का क्रय मूल्य 9.5 पैसे है जब कि कश्मीर में यह 24 रुपये तक है। सेब के सीजन में सेब की जो दुर्गती हुई थी वह सभी को पता है। एक रिपोर्ट के अनुसार 2019 में कश्मीर के सेब का सरकार ने डिलिशियस ए ग्रेड सेब का समर्थन मूल्य 48 से 52 रुपये प्रति किलो, बी ग्रेड के सेब के लिए 32 से 36 रुपये व सी ग्रेड सेब के लिए 15.75 से 18 रुपये किलो दिया था। अगर सरकार किसानों की अनदेखी करेगी तो 2022 के चुनाव में इसके नतीजे भुगतने के लिए तैयार रहे। वहीं भारत की कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव और बागवान श्याम सिंह चौहान कहते हैं कि करसोग में कई टन उर्वरकों की खप्त होती है। बढ़े हुए दामों के हिसाब से किसानों को पिछले साल की तुलना में लाखों रुपये अधिक चुकाने होंगे। सरकार ने किसानों की आय को दोगुना करने का वादा किया था लेकिन सरकार खुद किसानों की जेब खाली करने पर तुली हुई है। फसलों पर लागत इतनी बढ़ गई है कि खेती किसानों के लिए घाटे का सौदा बन गई है और प्रदेश का नौजवान इस से दूर होता जा रहा है। अगर सरकार को आय दोगुनी करनी है तो इसके लिए ठोस नीतियां बनानी पड़ेंगी और खाद व कीटनाशकों की बढ़ती कीमतों पर तुरंत लगाम लगानी होगी ।
करसोग श्रेत्र के तिलक राज शर्मा को उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस मंडी नियुक्त किया गया है। जिस पर तिलक राज शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी, राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा आलावारू, युवा विधायक विक्रमादित्य सिंह, प्रदेश अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी, कार्यकारी अध्यक्ष, यादोपति ठाकुर, महासचिव, होतम ठाकुर, अनु मराठा, ज़िला अध्यक्ष तरुण ठाकुर, युवा नेता केवल शर्मा का तहे दिल से हार्दिक आभार व धन्यवाद किया है। साथ ही उन्होने कहा कि मै हमेशा आपके साथ मिलकर पार्टी की मजबूती के लिए प्रयासरत रहूंगा तथा मेरे साथ अन्य नवनियुक्त साथियों को भी में हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ तथा मैं मिडियां के माध्यम से अवगत करवाना चाहता हूं कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए हम मजबूती के साथ भाजपा की जनविरोधी नीतियों को उजागर करेंगे और कांग्रेस की सरकार बनाने में हर संभव प्रयास करेंगे। जिसके लिए हम कड़ी मेहनत करेंगे ताकि आने वाले समय में मजबूती से प्रदेश व देश में कांग्रेस सरकार बन सके।
जोगिन्दर नगर में स्थापित हिमाचल प्रदेश राजस्व प्रशिक्षण संस्थान (आरटीआई) पटवारी से लेकर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों तक राजस्व की बारीकियों को न केवल अवगत करवाता है बल्कि प्रशिक्षित भी करता है। जोगिन्दर नगर में स्थापित यह प्रशिक्षण संस्थान हिमाचल प्रदेश का एक मात्र ऐसा संस्थान है जो राजस्व की बारीकियों को सिखाते हुए प्रशिक्षण प्रदान करता है। इस संस्थान में एक सप्ताह से लेकर चार माह तक के विभिन्न अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए राजस्व संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाये जाते हैं। सबसे अहम बात तो यह है कि यह संस्थान महज राजस्व कार्य से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को ही प्रशिक्षित नहीं करता है बल्कि पुलिस सेवा के साथ-साथ बैंकिंग एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को भी राजस्व से जुड़े विभिन्न कार्यों के प्रति प्रशिक्षित करता है। इस संस्थान से अब तक 11 हजार 566 अधिकारी व कर्मचारी राजस्व की बारीकियों के गुर जान चुके हैं। हिमाचल प्रदेश राजस्व प्रशिक्षण संस्थान (आरटीआई) जोगिन्दर नगर की स्थापना 01 अप्रैल, 1996 को की गई है। इस संस्थान का प्रमुख उद्देश्य राजस्व से संबंधित विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करना है। वर्तमान में इस संस्थान में पटवारी से लेकर भारतीय प्रशासनिक सेवा तक के अधिकारियों व कर्मचारियों को राजस्व संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इस संस्थान की स्थापना केंद्रीय प्रायोजित स्कीम एसआरयू व यूएलआर के तहत 50:50 के अनुपात में हुई है। इस संस्थान के लिये भारत सरकार ने साढ़े आठ करोड़ रूपये 50:50 के अनुपात में राज्य व केंद्रीय अंश के रूप में स्वीकृत किये हैं। इस संस्थान के निर्माण के लिये केंद्रीय व राज्य अंश के रूप में 5.29 करोड़ रूपये की धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है। इस संस्थान के प्रथम चरण में प्रशासनिक भवन, छात्र होस्टल, मैस, टाईप-पांच आवास, जबकि द्वितीय चरण में गर्ल हॉस्टल, गेस्ट हाउस, आवास टाईप-तीन व टाईप-एक भी बनाये जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त टाईप-2 आवास के चार सैट भी बनाये जा चुके हैं। साथ ही निर्माण संबंधी कुछ अन्य कार्य अभी प्रगति पर हैं। आईएएस अधिकारियों को 2 सप्ताह, तो पटवारियों को मिलती है 4 माह की ट्रेनिंग हिमाचल प्रदेश राजस्व प्रशिक्षण संस्थान जोगिन्दर नगर में भारतीय प्रशासनिक सेवा तथा हिमाचल प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को राजस्व की बारीकियों से संबंधित दो सप्ताह का प्रशिक्षण दिया जाता है। राजस्व सेवा से जुड़े विभिन्न अधिकारियों को भी यहां प्रशिक्षित किया जाता है जिनमें तहसीलदार व नायब तहसीलदार को 28 दिन, पटवारी को चार माह का राजस्व प्रशिक्षण शामिल है। साथ ही तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं कानूनगो के पदों पर तैनात कर्मियों के रिफ्रेशर कोर्स भी करवाए जाते हैं। इस संस्थान में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) व हिमाचल पुलिस सेवा (एचपीएस) से जुड़े अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन से जुड़े उप निरीक्षक एवं सहायक निरीक्षक के पदों पर तैनात कर्मियों को भी एक सप्ताह का राजस्व प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके अतिरिक्त बैंकिंग सेवा से जुड़े अधिकारियों को भी राजस्व की बारीकियां बताई जाती हैं। यही नहीं इस संस्थान में नाइलेट के माध्यम से कंप्यूटर प्रशिक्षण के दो पाठ्यक्रम पीजीडीसीए व डीसीए भी चलाये जा रहे हैं। राजस्व प्रशिक्षण संस्थान से 11 हजार 566 अधिकारी व कर्मचारी सीख चुके हैं राजस्व की बारीकियां हिमाचल प्रदेश राजस्व प्रशिक्षण संस्थान से प्राप्त आंकड़ों की बात करें तो 21 दिसंबर, 2021 तक 11 हजार 566 अधिकारी व कर्मचारी राजस्व की बारीकियों को सीख चुके हैं। जिनमें 3417 कर्मियों ने पुनश्चर्या कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है जबकि 3477 पटवारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके अलावा जहां 3492 अधिकारियों व कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन पर प्रशिक्षित किया गया है तो वहीं 32 परीवीक्षाधीन आईएएस, 103 एचएएस, 41 तहसीलदार, 49 नायब तहसीलदार, 05 भारतीय पुलिस सेवा व 34 हिमाचल पुलिस सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों को भी राजस्व की बारीकियां सिखाई जा चुकी हैं। साथ ही पुलिस विभाग के 187 उप निरीक्षकों, 601 बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों, 9 सहायक लोक अभियोजक, 11 एसजेवीएनएल के अधिकारियों को भी राजस्व बारे प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसी संस्थान से कम्प्यूटर साक्षरता कार्यक्रम के तहत 49 तथा ईटीएस व जीपीएस पर 59 प्रतिभागियों को भी प्रशिक्षित किया जा चुका है।
लडभड़ोल क्षेत्र के सिविल अस्पताल में लगभग 10 दिनों से एक्स-रे मशीन खराब चल रही है। इस बात की जानकारी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ठाकुर प्रेमनाथ ने मंगलवार को दी । उन्होंने कहा कि अब कोई भी एक्स-रे यहां नहीं हो पा रहे हैं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सीएमओ मंडी, स्थानीय विधायक प्रकाश राणा व प्रदेश सरकार से तुरंत इस समस्या को ठीक करने का आग्रह किया है। वहीं उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल लडभडोल में करीब 1 साल से ज्यादा समय होने के बावजूद भी एम्बुलेन्स की तैनाती नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि गोहर में 108 एंबुलेंस की तैनाती की गई है। परंतु प्रदेश सरकार ने लडभडोल अस्पताल में 108 एंबुलेंस की तैनाती करना बेहतर नहीं समझा।
आजादी के अमृत महोत्सव पर हिमाचल प्रदेश के मण्डी जनपद की राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांगणा के विद्यार्थियों द्वारा प्रधानमंत्री को 5 पोस्ट कार्ड भेजे गए। जिनमें 12वीं कक्षा की हिमानी वर्मा, किरना शर्मा, अनीता कुमारी, सिमरन, 11वीं कक्षा की खुशबू बाला के पोस्टकार्ड शामिल रहे। इस प्रतियोगिता में 75 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अन्य सर्वश्रेष्ठ पोस्टकार्ड बनाने वाले विद्यार्थियों के पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री केअलवा करसोग विधानसभा के विधायक हीरालाल, जिला परिषद वार्ड पांगणा के सदस्य चेतन गुलरिया, स्थानीय पंचायत के प्रधान बसंत लाल, उपप्रधान सुरेश शर्मा को भेजे गए। चयनित सर्वश्रेष्ठ 5 पोस्टकार्ड बनाने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा।पोस्ट कार्डों पर विद्यार्थियों द्वारा गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षो, आजादी के नारों, राष्ट्रीय प्रतीकों व भविष्य के भारत को उतारा गया है। इनके माध्यम से आजादी के 75 साल पूरे होने पर विद्यार्थियों ने आजादी में भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया है। विदित रहे कि आजादी के 75 साल पूरे होने पर भारत सरकार द्वारा पूरी साल अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत स्कूलों में विभिन्न गतिविधियां की जा रही है, पोस्टकार्ड लेखन भी इसका ही एक हिस्सा है।
उपमंडल करसोग में आत्मा परियोजना मंडी की ओर से सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती जागरूकता शिविर का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सेरी बंगलो में किया गया। स्कूल प्रधानाचार्य बोधराज ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कृषि विभाग विकासखंड करसोग की ओर से खंड तकनीकी प्रबंधक मोहित कुमार और सहायक तकनीकी प्रबंधक लेखराज और सोनाली महाजन ने स्कूली छात्रों को सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। इसमें बच्चों को खाद व कीटनाशकों के प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। और प्राकृतिक खेती के लाभ के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। देसी गाय के महत्व के बारे में भी पूरी जानकारी दी गई। इसमें मास्टर ट्रेनर कला देवी ने विद्यार्थियों को जीवामृत, घनजीवामृत, बीजामृत, दरेकास्त्र इत्यादि प्रयोगात्मक रूप में सिखाया। ब इस जागरूकता शिविर में स्कूल के लगभग 80 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
मंडी लोकसभा कांग्रेस महासचिव मनोज ठाकुर ने अरुण ठाकुर को जिला मंडी युवा का कांग्रेस का महासचिव बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि वे उम्मीद करते हैं और अरुण यूथ कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी द्वारा दिए गए दायित्व का निर्वाहन पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ करेंगें व कांग्रेस द्वारा चलाए गए सदस्यता अभियान के तहत संसदीय क्षेत्र के लोंगो को कांग्रेस पार्टी की विचार धारा के साथ जोड़ेंगे। उन्होंने युवा कांग्रेस में निर्वाचित सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी एवं इस निर्वाचन के लिए कांग्रेस आलाकमान एवं जिला मंडी युवा कांग्रेस अध्यक्ष तरुण ठाकुर का धन्यवाद दिया।
ज्योतिपुंज ग्लोबल फाउंडेशन द्वारा कुमार रिसॉर्ट अलवर रोड अमृतसर की धरती पर ज्योतिष महासम्मेलन 19 व 20 दिसंबर को बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस सम्मेलन में ज्योतिष अनिल वत्स, एचएस रावत, जीडी वशिष्ठ और राजेश ओझा जैसे नामचीन ज्योतिषी सम्मेलन में सम्मिलित हुए। इसमें विशेष अतिथि के रूप में पंजाब सरकार के उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी व स्थानीय विधायक सुनील दत्ती उपस्थित रहे।जोगिंदरनगर के विश्व विख्यात ज्योतिषी कैप्टन डॉक्टर लेखराज शर्मा भी इस सम्मेलन में सम्मिलित हुए। सम्मेलन में ज्योतिष के विषय में गहन चर्चा हुई। सभी ज्योतिष विदों ने अपने-अपने विचार ज्योतिष के प्रचार व प्रसार के लिए रखें। वंही ज्योतिष के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए डॉ लेख राज शर्मा को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से ज्योतिष पुंज ग्लोबल फाउंडेशन संस्था ने सम्मानित किया गया। यह हिमाचल प्रदेश व विशेष रुप से जोगिंद नगर क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
एक समय था जब हमारे देश में अनाज की कमी हो गई थी। उस समय सरकार ने अपने देशी बीजों को विकसित करने की बजाए विदेशी हाइब्रिड बीजों को तवज्जो दी गई। बाहर से जो बीज आए उनके लिए भरी मात्रा में रासायनिक खाद और दवाइयों का इस्तेमाल भी किया गया। अत्यधिक पानी का दोहन किया गया। इसका दुष्परिणाम ये हुआ कि हमारे देश की मिट्टी बर्बाद हो गई, इंसानों में कई किस्म की बीमारियों को बढ़ावा मिला। इन सब बुरे परिणाम को ठीक करने की कोशिश के तहत पर्वतीय टिकाऊ खेती अभियान हिमाचल प्रदेश द्वारा पूरे हिमाचल प्रदेश में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। महिला मंडलों के साथ मिलकर पुराने अनाजों को पुनर्जीवित करने की कोशिश की जा रही है। इसको लेकर बीते दिन करसोग के राम मंदिर में मिलेट्स फेस्टिवल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कोदरा, कौनी, बिथु, नंगा जौ, काली गेंहू, जवार, कोदो, चीना, लाल मक्की आदि दिखाई गई। इनकी खासियत ये है कि ये अनाज सौ सालों तक भी खराब नही होते। मिलिटस फेस्टिवल के दौरान विभिन्न अनाजों का का हलवा, खीर, चाय, रोटी आदि बनाकर खिलाई गई। खिलाने के लिए पत्तों से बने दौनों का इस्तेमाल किया गया। कार्यक्रम के संचालक लोक कृषि नेकराम शर्मा ने कहा कि हमारे ऋषि मुनियों ने बहुत तपस्या के साथ हमारे लिए कृषि बीजों को विकसित किया था लेकिन नकदी फसलों के लालच में हमने नए बीज अपना कर बीमारियों को न्यौता दिया है। उपमंडल अधिकारी सनी शर्मा ने पुराने बीजों के दर्शन करते हुए कहा कि करसोग में जितने किसान इस तरह के अनाज की खेती कर रहे हैं इसका अध्यन करना चाहिए। इसकी बिक्री के लिए करसोग में एक जैविक कृषि उत्पादों के लिए बाजार बनाया जाएगा। इस के लिए सारे विभागों से बात कर युद्धस्तर पर जगह देखी जायेगी। जैविक खेती करने वाले किसानों के साथ मिलकर जल्द ही कृषि विभाग द्वारा फरामार प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन बनाया जाएगा।
अनुसंधान संस्थान भारतीय चिकित्सा पद्धति एवं होम्योपैथी जोगिंदर नगर के द्रव्य गुण उत्कृष्टता केंद्र योजना के अंतर्गत आयुर्वेदिक फार्मेसी महाविद्यालय के प्रशिक्षु छात्रों के लिए छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रारंभ हुआ। इस कार्यक्रम का शुभारंभ आयुर्वेद स्नातकोत्तर महाविद्यालय पपरोला के डीन एवं प्रिंसिपल प्रोफेसर विजय चौधरी द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा औषधीय पौधों एवं चिकित्सा उपयोगी विषयों पर 6 दिन तक छात्रों का ज्ञान वर्धन किया जाएगा। संस्थान के प्रभारी एवं परियोजना अधिकारी उज्जवल दीप के अनुसार इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेष रुप से औषधीय पौधों की पूर्ण जानकारी दी जा रही है, जिससे भविष्य में प्रशिक्षक छात्र निजी रूप से स्वरोजगार के लिए सक्षम हो सकेगे। वह इस प्रकार की प्रशिक्षण योजनाएं आयुर्वेद विभाग में बहु उपयोगी हो सकेंगी। परियोजना के प्रधान अन्वेषक डॉ पंकज पालसरा ने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत समय समय पर छात्रों के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आयुर्वेद की औषधियों की गुणवत्ता को बढ़ाने की अत्यंत आवश्यकता है इस कार्यक्रम में औषधीय पौधों के नाम रूप ज्ञान गुण धर्म व प्रयोग के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया जाएगा।
जोगिंदरनगर सनातन धर्म सभा,आर्य समाज एवं शिव भूमि के पूर्व प्रधान 83 वर्षीय प्रमोद सिंह भंगलिया का वीरवार सुबह देहांत हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। प्रमोद सिंह भंगलिया करीब चालीस वर्षों तक सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे है। शिव भूमि में उनके बेटे राजेश पाल भंगालिया ने उन्हें मुखाग्नि दी। प्रमोद सिंह भंगलिया के निधन पर विधायक प्रकाश राणा, पूर्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह, पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्र पाल, मंडल भाजपा अध्यक्ष पंकज जमवाल, सनातन धर्म सभा और शिव भूमि के प्रधान जुगल किशोर गुप्ता, व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय धरवाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डाक्टर राकेश धरवाल, प्रेस क्लब जोगिंदरनगर तथा अन्य व्यापारिक संस्थाओं ने शौक प्रकट किया है।
एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. विशाल शर्मा ने कहा जोगिन्दर नगर में निर्धारित दर से अधिक मीट व अंडे को बेचने संबंधी शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं। इन्हीं शिकायतों को देखते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जोगिन्दरनगर उपमंडल में निर्धारित दरों पर ही मीट व अंडे की बिक्री सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिये गए हैं। उन्होने बताया कि नियमों की अवहेलना करने वाले मीट व अंडा विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाने के भी कड़े निर्देश दिये गए हैं। साथ ही कहा कि मीट व अंडा विक्रेता निर्धारित दर से अधिक दाम उपभोक्ताओं से नहीं वसूल सकते हैं तथा इस संबंध में किसी भी प्रकार की अवहेलना पाये जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सभी मीट व अंडा विक्रेताओं को प्रतिदिन रेट लिस्ट भी प्रदर्शित करने को कहा गया है ताकि उपभोक्ताओं को इनके रेट की सही जानकारी उपलब्ध हो सके। एसडीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के हवाले से यह भी बताया कि सभी अंडा व मुर्गा विक्रेता अपने पास क्रय बिल रखना भी सुनिश्चित बनायें ताकि मांगने पर वे संबंधित अधिकारियों को प्रस्तुत कर सकें।
आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांगणा में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नवमी और ग्यारहवीं कक्षाओं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। रंगोली प्रतियोगिता का विषय एड्स महामारी को लेकर जागरूकता रखा गया था। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की टीमें बनाई गई थी। सभी टीमों ने इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान चेष्ठा एंड फ्रेंड्स की टीम ने हासिल किया, द्वितीय स्थान पर कौशिक एंड फ्रेंड्स की टीम रही, जबकि मन्नत एंड फ्रेंड्स की टीम ने प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीमों को हिमाचल स्वास्थ्य विभाग द्वारा 500, 300 और 200 रुपय की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार ने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगोली भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि एड्स महामारी को लेकर विद्यार्थियों ने बहुत शानदार रंगोलियां बनाई है, इसके लिए सभी विद्यार्थी बधाई के पात्र हैं।
स्वर्ण आयोग के गठन की विधिवत अधिसूचना जारी करने पर श्री राजपूत सभा विकास खण्ड चौतड़ा ने खुशी जाहिर की है। राजपूत सभा चौंतड़ा के अध्यक्ष रोशन लाल ठाकुर ने कहा कि स्वर्ण आयोग के गठन के लिए वे राजपूत सभा के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों की ओर से सीएम जयराम ठाकुर व भाजपा सरकार का धन्यवाद किया हैं। उन्होंने कहा कि अभी चाहे इस आंदोलन को लीड करने वाले चेहरे बदले गए हो मगर इस आंदोलन की नींव जिन लोगों ने रखी व जिसे वे 25-30 वर्षों से निस्तर सोचते रहे, उन्हें एकदम दर किनार करना एक बड़ी भूल होगी। उन्होंने कहा कि वे आग्रह करते हैं कि उन्हें हर हाल में उचित सम्मान मिले व इस बात का संज्ञान लिया जाए। उन्होंने कहा कि स्वर्ण आयोग के बनने से स्वर्ण समाज के नौजवानों के लिए सफलता के द्वार खुलेंगे। खास कर एट्रोसिटी एक्ट पर पुर्नविचार किया जायेगा ऐसी वे आशा करते हैं।


















































