राष्ट्रीय मानव देखभाल संगठन के शाखा कार्यालय सुंदरनगर के अन्तर्गत शेगल पंचायत में पदम S/o गंगा के परिवार के पास जाकर संस्था ने आर्थिक सहायता प्रदान की। इस बात की जानकारी संगठन की सलाहकार भीमा देवी ने दी। सलाहकार भीमा देवी ने संस्था को जानकारी देते हुए बताया कि गांव पैडी, डा०घर-पौडा कोठी, तह सुंदरनगर (निहरी) जिला मण्डी में एक ऐसा परिवार रहता है, जिसकी स्थिति बहुत ही दयनीय है। उस परिवार के पास रहने के लिए अच्छा मकान भी नहीं है। उस परिवार में 2 सदस्य हैं तथा उनका कमाई का साधन दिहाड़ी लगाने के अलावा कुछ भी नहीं है। परिवार के मुखिया पदम लम्बे समय से अस्वस्थ चल रहे है जिसके कारण वे दिहाड़ी कमाने मे भी असमर्थ है। इसी के चलते शाखा कार्यालय सुंदरनगर से शाखा प्रबंधक विनोद ठाकुर, सहायक संचालक मनीष तथा उनके साथ में जिला समन्वयक रमेश कुमार, स्वयंसेवक विनोद तथा सलाहकार भीमा देवी ने संस्था के द्वारा उस परिवार को राशन, कपड़े, बर्तन इत्यादि दिए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत शेगल के उपप्रधान घनश्याम और वार्ड पंच किरपी देवी भी उपस्थित रहें।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग में एचआरटीसी बस की अचानक ब्रेक फेल हो गई। लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया।यह घटना शोरशन के समीप हुई। बस चालक ने सीट पर खड़ा होकर जोर से ब्रेक दबाने का भी प्रयास किया, लेकिन बस नहीं रुकी। चालक ने ब्रेक फेल होने की भनक सवारियों तक को नहीं लगने दी और सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को लिंक रोड पर चढ़ा दिया। जिसके बाद बस की स्पीड कम हुई और धीरे-धीरे पीछे हटी। इसके बाद बस सड़क पर पलट गई। इस दौरान बस का शीशा टूटने से दो लोगों को हल्की चोटें आई हैं जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुन्नी ले जाया गया है। चालक की सूझबूझ से बस को भी नुकसान नहीं हुआ। ये बस सलाणा से करसोग जा रही थी। बस मे में चालक-परिचालक सहित 13 लोग सवार थे। हादसे की सूचना क्षेत्रीय प्रबंधकसहित थाना करसोग को दी गई।
अभिलाषी विश्वविद्यालय चैलचौक मे "हमारे कार्य हमारा भविष्य-बेहतर उत्पादन, बेहतर पर्यावरण और बेहतर जीवन" विषय पर विश्व खाद्य दिवस 2021 के उपलक्ष्य में एक वेबिनार का आयोजन किया। विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थानों के शिक्षाविद और विद्यार्थी, इस वेबिनार से जुड़े। डा. डी. आर. ठाकुर, डीन कृषि संकाय ने सभी गणमान्य व्यक्तियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डा. आर. के. अभिलाषी ने बेहतर उत्पादन, बेहतर पर्यावरण और बेहतर जीवन के लिए एक आवश्यक उपकरण के रूप में कृषि के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कृषि विद्यालय की आयोजन टीम को आज की महामारी की स्थिति में भी विश्व खाद्य दिवस के संदर्भ में इस तरह के वेबिनार के आयोजन के लिए बधाई दी। कुलपति प्रो. एच. एस. बनयाल ने अपने संबोधन में इस वेबिनार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कृषि के महत्व को इस तरह बताया कि कोई भी राष्ट्र इसके बिना जीवित नहीं रह सकता और और न ही प्रगति कर सकता है। उन्होंने विभिन्न फसलों के उत्पादन में कृषि अध्ययन के महत्व और सिंचाई प्रणाली, अनुसंधान, उर्वरक कीटनाशकों और जड़ी बूटियों में उचित निवेश को महत्व देने को कहा और साथ ही जीवन की बेहतर गुणवत्ता और बेहतर पर्यावरण के लिए कृषि के महत्व पर ज़ोर दिया। उन्होंने कृषि के छात्रों को इस दिशा में भी शोध करने पर जोर देने को कहा। डा. अशोक कुमार पूर्व कुलपति एपेक्स प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी पाशीघाट अरुणाचल प्रदेश ने विश्व खाद्य दिवस मनाने के उद्देश्य के बारे में बताया। उन्होंने ग्लोबल हंगर इंडेक्स (जीएचआई), विभिन्न क्रांतियों, भारतीय कृषि के लक्ष्य, भोजन में पोषक तत्वों की कमी, खाद्य उत्पादन पर जलवायु के प्रभाव और ऐसी खतरनाक स्थिति से निपटने के लिए भारत सरकार की पहल पर भी जोर दिया। डा. अजय कुमार गौतम ने मुख्य वक्ता, प्रतिभागियों एवं कृषि संकाय के शिक्षकों का इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया। इस वेबिनार में प्रो. चांसलर डा. एल. के. अभिलाषी, रजिस्ट्रार इंजीनियर कपिल कपूर, सभी विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष और कृषि संकाय के सभी विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य जुड़े हुए थे।
शनिवार को करसोग की प्लैटिनम सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की टीम द्वारा करसोग बाजार में आवारा कुत्तों के लिए एंटी रेबीज वैक्सीनेशन कैंप लगाया गया। संस्था प्रमुख लक्ष्य शर्मा, रितु वर्मा व मीना शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि करसोग में आये दिन आवारा कुत्तों की संख्या में वृद्धि हो रही है तथा लोगों को रास्तों में चलना मुश्किल हो गया है। तथा यह आवारा कुत्ते कभी भी किसी व्यक्ति को अपना शिकार बना सकते हैं। उसी के चलते वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ रविंदर तथा उनके विभाग के कुछ कर्मचारियों( शिवराम और ढालचंद) के सहयोग से इस वैक्सीनेशन कैंप को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। संस्था के कर्मचारी समस्त जनता से आग्रह करते है कि ऐसे कार्यों को करने के लिए सदैव आगे आएं और समाज के प्रति अपने दायित्व को समझे और उन्हें निभाने का भी प्रयास करें। इस वैक्सीनेशन कैंप के अंतर्गत प्लैटिनम सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की टीम द्वारा लगभग 10 आवारा कुत्तों को वैक्सिंग लगने की पुष्टि की गई है। तथा उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बचे बाकी आवारा कुत्तों को भी यह वैक्सीन लगाई जाएगी।
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि मंडी लोकसभा उपचुनाव के दृष्टिगत निर्वाचन आयोग ने 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ मतदाताओं के साथ-साथ दिव्यांगजनों एवं कोविड 19 पॉजिटिव मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध करवाई है। इसके लिए जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित 1373 पात्र मतदाताओं के लिए 16 अक्तूबर से लेकर 19 अक्तूबर तक घर-घर जाकर पोस्टल बैलेट मतदान को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए 6 टीमों का गठन कर लिया गया है। एसडीएम ने शुक्रवार को पोस्टल बैलेट मतदान को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होने बताया कि जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित पोस्टल बैलेट को लेकर 1373 पात्र मतदाताओं ने फार्म 12 डी भरकर सहायक निर्वाचन अधिकारी को संबंधित बीएलओ के माध्यम से उपलब्ध करवाए हैं। अब इन सभी पात्र मतदाताओं के लिए 16 अक्तूबर से घर-घर जाकर पोस्टल बैलेट मतदान की प्रक्रिया शुरू की जा रही है जो आगामी 19 अक्तूबर तक जारी रहेगी। इस बीच किसी कारणवश छूटे हुए मतदाताओं की पोस्टल बैलेट मतदान प्रक्रिया को 20, 21 व 22 अक्तूबर को पूरा किया जाएगा। साथ ही बताया कि जिन मतदाताओं को पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध हो गई है अब ऐसे मतदाता सामान्य तौर पर मतदान केंद्र में जाकर मतदान नहीं कर सकेंगे। उन्होने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पोस्टल बैलेट मतदान के दौरान अपने-अपने पोलिंग एजेंट तैनात करने को कहा ताकि इस प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा किया जा सके। साथ ही निर्धारित शेड्यूल को भी संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा कर लिया गया है जिसके तहत संबंधित पोलिंग टीमें पोस्टल बैलेट मतदान की प्रक्रिया को पूर्ण करवांएगी। उन्होने बताया कि इस दौरान पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी के साथ-साथ माइक्रो ऑब्जर्वर, संबंधित मतदान केंद्र के सेक्टर अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं संबंधित बीएलओ मौजूद रहेंगे। इसके अतिरिक्त पोस्टल बैलेट मतदान की तमाम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पोस्टल बैलेट मतदान प्रक्रिया को निर्धारित शेड्यूल के तहत पूर्ण करवाने के लिए अपना संपूर्ण सहयोग प्रदान करने का आहवान किया है। साथ ही इस बारे संबंधित मतदाताओं को भी समयबद्ध अवगत करवाने पर बल दिया। उन्होने सभी पात्र मतदाताओं से अपने-अपने पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करने का भी विशेष आग्रह किया है ताकि पोस्टल बैलेट मतदान में ज्यादा से ज्यादा पात्र मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस दल की ओर से रमण बहल, भाजपा की ओर से विनय कुमार व सुदेश ने भाग लिया। इस मौके पर कानूनगो निर्वाचन तेज सिंह ठाकुर, कनिष्ठ सहायक मोहन सिंह भी उपस्थित रहे।
सीएम जयराम ठाकुर ने वीरवार को सराज विधानसभा क्षेत्र के चौलथाच में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग बार-बार मंडी का जिक्र कर रहे हैं। मगर उन्हें मैं बताना चाहता हूं कि मंडी का मतलब मंडी संसदीय क्षेत्र है। इसमें किन्नौर से भरमौर और रामपुर भी आता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सराज विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्य भी गिनवाए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष को बताया कि मैं यहां का विधायक हूं, सीएम बाद में हूं। चुने हुए प्रतिनिधि होने के नाते यह मेरी जिम्मेदारी है कि यहां की जनता की सेवा पहले करूं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में हमने विकास कार्यों रुकने नहीं दिया। कांग्रेस वालों ने तो एक-एक लिस्ट बनाई, 12 करोड़ का बिल बनाया और पार्टी हाईकमान को भेजा और खाते में डालने को कहा। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ऐसी पार्टी है जो अपनी ही पार्टी को ठगने से बाज नहीं आ रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश और प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार रही। आज हमारे मित्र बेरोजगारी और महंगाई का आरोप लगा रहे हैं। सारी महंगाई और बेरोजगारी पिछले चार साल में नहीं आई। नौकरी देने के लिए हम जितना कर सकते हैं उसे हम कर रहे हैं। कांग्रेस की सरकार से पूछना चाहिए कि तुम लोगों ने गरीबों के लिए क्या किया। हमार सरकार ने 65 वर्ष की आयु वाली माताओं के लिए पेंशन दी। हमने गरीबों के लिए हिमकेयर योजना चलाई, जिसके तहत 1 लाख 75 हजार गरीबों का इलाज करवाया। सहारा योजना चलाई जिसमें पात्र को हर महीने 3 हजार रुपये उनके खाते में डालते हैं। बीपीएल परिवार की बेटी को शगुन योजना में पात्रों को 31 हजार दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को करसोग विधानसभा क्षेत्र के केलोधार में बीजेपी प्रत्याशी खुशाल ठाकुर के लिए जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह द्वारा कारगिल युद्ध पर बीते दिन बयान पर भी सवाल उठाए। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुझे बहुत विचित्र लगा जब प्रतिभा सिंह ने कारगिल को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा, “मैं किसी के बारे में व्यक्तिगत नहीं बोलता लेकिन कल जो उन्होंने कहा, उससे दुख पहुंचा। कारगिल में हमारे हिमाचल के 52 जवान शहीद हुए और इस युद्ध को छोटी सी लड़ाई कहा जा रहा है।"इससे पहले मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रतिभा सिंह पहले ही मंडी में कह चुकी हैं कि वो ये चुनाव नहीं लड़ना चाहती थीं। अगर ऐसा है तो उन्हें मजबूरी में इलेक्शन नहीं लड़ना चाहिए।"सीएम ने कहा, “आज मोदी जी के हाथों को मजबूत करने की जरूरत है। मैं खुले तौर पर कह रहा हूं कि मंडी हमारी थी और हमारी रहेगी। मंडी के लोगों को नेतृत्व करने का सौभाग्य मिला है। मंडी लोकसभा क्षेत्र लंबे अरसे से मुख्यमंत्री के लिए प्रयत्न कर रहा था। बारी-बारी से सभी लोकसभा क्षेत्रों से मुख्यमंत्रियों को मौका मिला। कांगड़ा, हमीरपुर, शिमला से भी मुख्यमंत्री बन चुके थे।आखिर में मंडी को मौका मिला।” कोविड का जिक्र करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि मुझसे पहले पांच मुख्यमंत्री प्रदेश में हुए, लेकिन उन्हें सामान्य परिस्थितियों में काम करने का मौका मिला। हमारी बारी आने पर परिस्थितियां असामान्य थीं। इसमें कोरोना का संकट सबसे बड़ा था। कोविड के संकट के बावजूद हमने विकास को गति देने की कोशिश की। कोरोना के कारण जिस तरह से काम करना चाहते थे वैसे काम करने का समय नहीं मिला। मुख्यमंत्री ने कहा, “कोरोना आने से पहले ही मैंने सवा साल में ही 68 विधानसभाओं का दौरा कर लिया था। इसके बाद कोरोना आया तो लोगों के बीच नहीं जा सके। फिर भी हमने ऑनलाइन उद्घाटन व शिलान्यास किए। हमारी किस्मत में लिखा था कि हमें परीक्षाओं के दौर से गुजरना पड़ेगा। मैं सभी लोगों का आभारी हूं कि उस दौर में आपने हिम्मत से हमारा साथ दिया। अब आपका फिर सहयोग चाहिए, खुशाल ठाकुर जी को बड़े अंतर से विजयी बनाएं।”
एक तरफ भाजपा प्रत्याशी के रूप में ब्रिगेडियर मोरचा संभालेंगे तो दूसरी ओर कांग्रेस के स्टार प्रचारक के रूप में अभिनेता और सांसद राज बब्बर जुबानी हमला बोलेंगे। दिलचस्प यह होगा कि चुनावी जंग में कांग्रेस के स्टार प्रचारक में रूप में वह किस तरह से ब्रिगेडियर के सामने हुंकार भरेंगे। हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय उपचुनाव में कांग्रेस हिंदी सिनेमा की चर्चित एलओसी कारगिल फिल्म में ब्रिग्रेडियर कुशाल ठाकुर का किरदार निभाने वाले अभिनेता राज बब्बर को स्टार प्रचारक के रूप में फील्ड में उतारेगी। जल्द रील और रियल चरित्र चुनावी जंग में आमने-सामने होंगे। कारगिल युद्ध में 18 ग्रेनेडियर के कमान अधिकारी के रूप में रीयल लाइफ हीरो बिग्रेडियर ने ही सामरिक महत्व की टाइगर हिल और तोलोलिंग की चोटियों से पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़कर कब्जा किया। इस असाधारण पराक्रम के लिए युद्ध सेवा मेडल से ब्रिगेडियर कुशाल को सम्मानित किया गया था। यूनिट ने रिकॉर्ड 52 वीरता पुरस्कार प्राप्त किए थे। मंडी लोकसभा उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई। भाजपा प्रत्याशी कुशाल चंद ने कुशाल के आगे बिग्रेडियर और सरनेम में ठाकुर लगाने का आवेदन किया था, जिसे नियमों के तहत स्वीकार कर लिया गया। अब बैलेट पेपर में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर बिग्रेडियर कुशाल ठाकुर नाम चढ़ेगा।
प्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त हि प्र अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ व हि प्र विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन द्वारा सुंदर नगर में शहीदी स्मारक चौक पर 'शहीदी दिवस' का आयोजन किया गया। इसमें विशेष अतिथि के रुप में महासंघ के प्रदेश महामंत्री राजेश शर्मा उपस्थित रहे। उनके साथ जिला महासचिव लाल सिंह ठाकुर, संयुक्त सचिव मुरारी लाल शर्मा व सदर ब्लाक के प्रधान योगेन्द्र पाल सरोच ने भी शिरकत की तथा पूर्व कर्मचारी नेता हरीश शर्मा और लाल सिंह चावला भी उपस्थित रहे। इस मौके पर प्रदेश महासचिव ने कहा कि 10 अक्टूबर 1980 को कर्मचारी हितों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों पर तत्कालीन कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री राम लाल ठाकुर के शासनकाल में फायरिंग में कर्मचारी भाई अमर सिंह विद्युत विभाग एवं भाई रत्नु तकनीकी शिक्षा शहीद हो गए थे। ऐसे ही संघर्ष के दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर विभिन्न घटनाओं में शहीद हुए कर्मचारी नेताओं की याद में हर वर्ष 10 अक्टूबर को अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ शहीदी दिवस के रूप में मनाता आया है। उन्होंने कहा कि आचार संहिता के बाद शीघ्र ही जेसीसी बैठक का आयोजन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में किया जाएगा। जिसमें सभी विभागों के कर्मचारियों की जायज मांगों को सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। इस हेतु 62 सूत्रीय मांग पत्र सरकार को भेजा जा चुका है। उन्होंने अगले साल बेहतर व योजनाबद्ध तरीके से शहीदी दिवस मनाने की बात कही। शहीदों की स्मृति में सुंदर नगर अस्पताल में निर्मित सराय को सुचारू रूप से चलाने का मामला भी प्रशासन से उठाने का भरोसा दिलाया।
शरद नवरात्रों के दौरान शनिवार को शिव भूमि स्थित पुष्प वाटिका में स्थानीय व्यवसायी स्व. कल्याण चंद सूद की स्मृति में धर्म संस्कृति सहित वनस्पति विज्ञान एवं आर्युवेद से जुड़े पीपल के पौधे की विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत स्थापना की गई। इस दौरान पंडित दिनेश शर्मा ने पूजन विधि संपन करवाई और उपस्थित श्रद्धालुओं को बताया कि जहां पीपल को भारतीय संस्कृति में महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है तथा अनेक पर्वों पर इसकी पूजा की जाती है वहीं पीपल के पेड़ में शनिदेव का वास माना जाता है। इस दौरान सुरेंद्र सूद एवं अन्य परिजनों ने पीपल के पौधे को मंत्रोच्चारण के साथ रोपित किया। इस अवसर पर स्व. कल्याण चंद सूद की धर्मपत्नी कमलेश सूद, बेटी शीतल व दामाद अमित सूद, ओम मरवाह व पत्नी दिङ्क्षवद्रा मरवाह, जे.के.गुप्ता, रोशन लाल शर्मा, सुभाष राठौर, देशराज सूद, अशोक सूद, ओमानंद शर्मा, विजय बावा, मुनीश बंटा, शेरू व बलदेव ठाकुर उपस्थित रहे।
भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी चंदन पंडित ने ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को मंडी संसदीय क्षेत्र से एक सशक्त उम्मीदवार बताते हुए कहा कि भाजपा ने उन्हें पार्टी प्रत्याशी बना कर स्पष्ट संदेश दे दिया है कि भारतीय जनता पार्टी परिवारवाद और रजवाड़ाशाही में विश्वास नहीं रखती है। इसलिए पार्टी ने एक आम परिवार से संबंधित व्यक्ति को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश सेवा में व्यतीत किया है। जनता की समस्याओं व ज़रूरतों को समझने वाले व्यक्तित्व पर भाजपा शीर्ष नेतृत्व, संगठन और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विश्वास व्यक्त किया है। इसलिए संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता का यह कर्तव्य बनता है कि वह इस निर्णय को सार्थक सिद्ध करे। चंदन पंडित ने कहा कि अपने शीर्ष नेतृत्व के दिशा निर्देशानुसार भारतीय जनता युवा मोर्चा पार्टी प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर की जीत सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात एक कर देगा। बूथ स्तर व ग्राम केंद्र स्तर पर युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रदेश व केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर जनता के मध्य जाएगा और पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में जनता से वोट की अपील करते हुए, यह बात भी सुनिश्चित करेगा कि इस उपचुनाव में अधिक से अधिक मतदान बूथ पर हो। चंदन पंडित ने कहा कि एक पूर्व सैनिक जिसने कारगिल व तोलोलिंग जैसी दुर्गम पहाड़ियों को युद्ध में जीतकर भारत माता के गौरव की रक्षा की है, ऐसा व्यक्तित्व आज मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता के मध्य में है जो संसद में मंडी के हितों की आवाज़ बुलंद करने का पूरा दमख़म रखता है।
स्व.वीरभद्र सिंह अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन मंडी संसदीय उप चुनाव के भंवर में कांग्रेस उनके नाम व सहानुभूति के जरिए अपनी नैया पार लगाने की तैयारी में है। इसीलिए वीरभद्र सिंह के परिवार से ही प्रतिभा सिंह को कांग्रेस ने प्रत्याशी बना कर संगठन को फिर चुनावी मैदान में लाकर खड़ा कर दिया है। जिसके चलते शुक्रवार को प्रतिभा सिंह के नामांकन में न सिर्फ मंडी जिला, बल्कि पूरे संसदीय क्षेत्र के साथ हिमाचल भर से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समर्थकों व चाहने वालों का जमावड़ा देखने को मिला। लंबे समय के बाद मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस एकजुटता भी दिखाने का प्रयास कर रही है। हालांकि शुक्रवार की रैली में न तो कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू पहुंचे और न ही पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा आए। आश्रय शर्मा ने शुक्रवार सुबह ही कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर के खिलाफ एक बयान जारी कर मोर्चा खोल दिया। बहरहाल शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह का नामाकंन भरवा कर कांग्रेस ने चुनावी हुंकार भर दी है। यही नहीं इस उप चुनाव को कांग्रेस 2022 के विस चुनावों को सेमिफाइनल मानते हुए पूरी गंभीरता से लेती दिख रही है, लेकिन कांग्रेस के अंदर की गुटबाजी एकजुटता में कहां तक बदल पाती है और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गढ़ में कांग्रेस कैसे अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा प्राप्त करेगी, यही सबसे बड़ा सवाल है।
मंडी संसदीय उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने गुरुवार को नामांकन दाखिल कर दिया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर समेत अन्य मंत्रियों और भाजपा के विधायकों व पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने पर्चा भरा। नामांकन के बाद मंडी के सेरी मंच से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने भी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की जयराम सरकार ने जो विकास कार्य किए हैं, हम उसी के दम पर चुनाव जीतेंगे। ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने भारत माता की जय के नारे के साथ अपने भाषण की शुरुआत की और प्रत्याशी बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश के नेतृत्व का धन्यवाद अदा किया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह वीरवार को मंडी लोकसभा संसदीय क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार ब्रिगेडियर खुशाल सिंह ठाकुर के नामांकन में शामिल हुए व उन्हें अग्रिम जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा की भाजपा द्वारा मंडी लोकसभा सीट से ब्रिगेडियर कुशाल सिंह ठाकुर को भाजपा के प्रत्याशी के रूप में टिकट दिया गया है, जो कि बहुत खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में होने वाले उपचुनावों में अपनी शानदार जीत दर्ज करेगी और जहां तक मंडी संसदीय लोकसभा क्षेत्र की बात है तो यहां से भाजपा उम्मीदवार ब्रिगेडियर खुशाल सिंह ठाकुर भारी बहुमत से जीत हासिल करेंगें। उन्होंने कहा कि खुशाल ठाकुर की सैन्य पृष्ठभूमि उनका लंबा चौड़ा परिचय देती है। वह किसी भी तरह की पहचान के मोहताज नहीं है। उन्होंने कहा कि सैन्य अधिकारी के साथ-साथ उन्हें राजनीति का भी अच्छा तजुर्बा है एवं 2014 से वे भाजपा की मजबूती के लिए लगातार कार्य करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जोगिंदरनगर विधानसभा क्षेत्र से भी इन उपचुनावों में भाजपा प्रत्याशी को भारी लीड दिलाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश: प्रदेश में एक संसदीय क्षेत्र सहित तीन विधानसभा क्षेत्रों में होने जा रहे उपचुनाव के लिए गुरुवार से नवरात्र शुरू होते ही नामांकन प्रक्रिया रफ्तार पकड़ेगी। हिमाचल प्रदेश में होने वाले उपचुनाव में बीजेपी ने चार सीटों पर अपने उम्मीदवार के नाम घोषित किए हैं। साथ ही मंडी संसदीय सीट सहित तीन विधानसभा पर बीजेपी संसदीय बोर्ड ने टिकट आवंटन पर बुधवार देर रात तक दिल्ली में हुए मंथन के बाद सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जिनके नाम हैं- अर्की विधानसभा सीट से रतनपाल तथा मंडी से कारगिल युद्ध के हीरो ब्रिगेडियर खुशाल सिंह। फतेहपुर से जुब्बल-कोटखाई से पूर्व जिला परिषद सदस्य नीलम सरैइक व बलदेव ठाकुर के नाम पर मुहर लगी है। अंतिम श्राद्ध समाप्त होते ही बुधवार अपराह्न बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। बैठक से पहले ही बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप को शिमला लौटने के लिए कहा गया। मंडी संसदीय सीट से प्रतिभा सिंह 8 अक्तूबर को नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। चुनाव आयोग की अधिसूचना के अनुसार एक अक्तूबर से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन 6 अक्तूबर तक श्राद्ध होने के चलते किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
मंडी लोकसभा क्षेत्र और 3 विधानसभा क्षेत्रों अर्की, फतेहपुर व जुब्बल कोटखाई में होने जा रहे उपचुनावों के दृष्टिगत कांग्रेस ने पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला की ओर से मंजूरी दी गई है। मंडी लोकसभा के लिए कौल सिंह ठाकुर, आशा कुमारी, सुखविंदर सिंह सुक्खू, गंगू राम मुसाफिर, सुधीर शर्मा, कुलदीप पठानिया, इंद्रदत्त लखनपाल, विनय कुमार, संजय रत्न, विक्रमादित्य सिंह, बंबर ठाकुर व आश्रय शर्मा शर्मा को नियुक्त किया गया है। वंही फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए जीएस बाली, चंद्र कुमार, राजेंद्र राणा, कुलदीप कुमार, पवन काजल, सुरेश चंदेल, देविंद्र सिंह जग्गी, करन पठानिया व विशाल चम्बियाल को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। विप्लव ठाकुर, हर्षवर्धन चौहान, अनिरुद्ध सिंह, मोहन लाल ब्राक्टा, सोलन लाल, सुरेश कुमार व मनीष ठाकुर की नियुक्ति जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के लिए की गई है। अर्की विधानसभा क्षेत्र में धनी राम शांडिल, रामलाल ठाकुर, हर्ष महाजन, लखविंद्र राणा, राम कुमार ,इंद्रदत्त लखनपाल, राजेश धर्माणी, सतपाल रायजादा, विनोद सुल्तानपुरी, अजय सोलंकी, अमित नंदा, पीसीसी कंट्रोल रूम, केवल पठानिया, महेश्वर चौहान, हरि कृष्ण हिमराल, दीपक शर्मा, यशपाल तनिक, सुशांत कपरेट, वेद प्रकाश व वलदेव ठाकुर को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सभी सीटों पर पर्यवेक्षकों के बीच पूरे समन्वय को देखेंगे और प्रदेश कांग्रेस संगठन एवं प्रशासन महासचिव रजनीश किमटा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सीएलपी नेता को पर्यवेक्षकों और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी प्रभारी के साथ समन्वय करने में सहायता करेंगे।
शिमला :कांग्रेस हाईकमान ने हिमाचल प्रदेश में मंडी लोकसभा व तीन विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। मंडी लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी व पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह को मैदान में उतारा गया है। वहीं, अर्की विधानसभा सीट से संजय अवस्थी, जुब्बल-कोटखाई से रोहित ठाकुर और फतेहपुर सीट से भवानी सिंह पठानिया को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की मंजूरी के बाद पार्टी महासचिव व केंद्रीय चुनाव समिति के प्रभारी मुकुल वासनिक ने उम्मीदवारों की सूची जारी की है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सरकाघाट के तहत बस्थला गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि डाक विभाग में बतौर डाकिया तैनात ऊषा पर उसके ससुराल वालो और ग्रामीणों ने कई आरोप लगाए हैं। जिसमे की पति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में महिला जेल में है। ससुर मेहर चंद और जेठ संजय कुमार ने बताया कि आरोपी महिला के कारण न सिर्फ उसका पति आत्महत्या करने को मजबूर हुआ, बल्कि उसकी वजह से कई लोगों की जिंदगियां भी बर्बाद हुई हैं। महिला द्वारा अपनी ड्यूटी ढंग से नहीं की गई और समय पर लोगों के कॉल लेटर, प्रमाण पत्र, रजिस्ट्रियां, पोस्ट, रसीद आदि उन तक नहीं पहुचाएं गए। महिला के पास से हजारों जरूरी कागजात मिले हैं, जो लोगों तक समय से नहीं पहुंच पाए हैं। वह 2014 से लेकर अब तक 14 स्टेशन बदल चुकी थी। इनमें नबाही, चोलथरा, रखोह, सरकाघाट, बेहना, बलद्वाड़ा, गोपालपुर, नरोला आदि जगहों पर यह तैनात हो चुकी थी। इसके पास से 1029 आधार कार्ड, ढाई हजार से अधिक स्पीड पोस्ट, कॉल लेटर, एलआई रसीद बुक, चेक बुक, प्रमाण पत्र से भरी तीन बोरियां मिली हैं। कई दस्तावेज तो खराब हो चुके हैं। उधर, विश्वकर्मी सभा गोपालपुर के पूर्व प्रधान एवं प्रदेश संयोजक एनसी भारद्वाज, ग्रामीण अमर सिंह, जगत राम आदि ने मांग की है कि इस लापरवाही कर्मचारी पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। सरकाघाट डाकघर के निरीक्षक आशीष कुमार ने कहा कि महिला कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है, जो डाक के दस्तावेज उसने अपने पास जमा कर रखे थे, उनकी जिम्मेदारी उसी कर्मचारी की है। लेकिन हम सभी दस्तावेज लोगों तक पहुंचाएंगे।
थुनाग: पंचायती राज उपचुनाव के नतीजे आने के बाद भाजपा खेमे में खुशी की लहर है तो कांग्रेस एक बार फिर से हार के कारण जानने में जुट गई है। सराज में पंचायती राज उपचुनाव में मुख्यमंत्री का जलवा बरकरार रहा है। यहां पर काकडाधार बीडीसी सीट पर भाजपा की पम्मी देवी ने कांग्रेस की रमा देवी को 277 वोटों से मात दी है। कांग्रेस यहां पर खाता खोलने में फिर नाकाम साबित हुई है। इस जीत के बाद सराज की 15 सीटों में से 13 पर भाजपा का कब्ज़ा बरकरार है। पहले चुने गए बीडीसी सदस्य की सरकारी नौकरी लगने के बाद इस क्षेत्र में मतदान करवाया गया था। यहां पर केवल दो ही प्रत्याशी मैदान में थे। दो पंचायतों काकडाधार और मेहरीधार में हुए इस उपचुनाव में कुल 1191 मत पड़े हैं। इसमें चार मत नोटा के थे, जबकि पांच मत निरस्त किए गए हैं। मेहरीधार में 1250 व काकडाधार में 848 मतदाता हैं। अब चुनाव परिवार आने के बाद भाजपा खेमे में खुशी की लहर है तो कांग्रेस एक बार फिर से हार के कारण जानने में जुट गई है।
कांग्रेस के युवा संगठन ने भी उपचुनावों के लिए कमर कस ली है। युवा कांग्रेस ने ठान लिया है कि उपचुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी को जिताकर ही दम लेंगे। युवा कांग्रेस जोगिंद्रनगर के अध्यक्ष सौरव ठाकुर ने एक जारी बयान में कहा कि मंडी लोकसभा उपचुनाव के लिए जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के 131 बूथों में युवा कांग्रेस के सदस्य तैयारियों में जुट गए हैं। हर बूथ में युवा कांग्रेस के सदस्य कांग्रेस प्रत्याशी के लिए प्रचार करेंगे और प्रत्याशी को जिताकर लोकसभा पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा की जनविरोधी नीतियों के कारण लोगों में गुस्सा है। वहीं, कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़ी पार्टी है। कांग्रेस पार्टी ने हर बार भाजपा की जनविरोधी और किसान विरोधी नीतियों का डटकर विरोध किया है। इसका फायदा कांग्रेस को इन उपचुनावों में मिलेगा और कांग्रेस प्रत्याशी भारी बहुमत से जीत हासिल करेगा। सौरव ठाकुर ने अपना मोबाइल नम्बर और ईमेल भी जारी किया है। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि कोई भी युवा अपने बूथ स्तर पर युवा कांग्रेस के इस अभियान से जुड़ना चाहते हैं, वह उनके मोबाइल नम्बर 8580575307 और ईमेल thakursourav229@gmail.com पर सम्पर्क कर सकते हैं।
इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने शैक्षणिक सत्र जुलाई 2021 के लिए विभिन मास्टर डिग्री, बैचलर डिग्री, डिप्लोमा व पीजी डिप्लोमा कोर्सेज में प्रवेश की अंतिम तिथि 11अक्तूबर तक बढ़ा दी है। वहीं दिसम्बर 2021 में होने वाली परीक्षा के लिए असाइनमेंट की तारीख को भी 31 अक्तूबर तक बढ़ा दिया है। जो छात्र किसी कारणवश जुलाई 2021 सत्र में फेस एडमिशन लेने से छुट गए थे, इग्नू ने उन छात्रों के लिए फिर से फेस एडमिशन का मौका दिया है। जो भी छात्र अनुसूचित जाति / अनुसूचित जन जाति से सम्बन्ध रखता है उसके लिए निशुल्क प्रवेश कि सुविधा भी इग्नू ने दी है। अधिक जानकारी के लिए इग्नू की आधिकारिक वेब साईट www.ignou.ac.in में भी चेक कर सकते हैं। डॉक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि यदि किसी छात्र को विषय सम्बन्धी कोई समस्या आ रही हो तो इग्नू कार्यालय के सहायक राजकुमार से मोबाइल नंबर 70180-93090 या इग्नू के कार्यालय 1136 में आकर भी संपर्क कर सकते हैं।
1948 में हुए सुकेत विद्रोह में अहम भूमिका निभाने वाले और उस समय करसोग तहसील प्रजामंडल के अध्यक्ष रहे दिलाराम महाजन को आज सुकेत रियासत के विद्रोह नामक किताब के माध्यम से याद किया गया। समाज सेवी बंसीलाल कौंडल ने उक्त किताब उनके सुपुत्र और करसोग क्षेत्र के प्रसिद्ध अध्यापक तुलसीराम गुप्ता को भेंट की गई। ज्ञात रहे कि सुकेत राजा जब भारत मे विलय के लिए इनकार कर रहा था तो करसोग, पांगणा, तातापानी, निहरी, नाज आदि की जनता ने राजा के खिलाफ विद्रोह का बिगुल बजा दिया था। इस विद्रोह में 4 हजार से ज्यादा लोगों ने भाग लिया था। उस समय तातापानी, फिरनु, तहसील करसोग, निहारी की चौकियों पर विद्रोहियों ने कब्जा कर लिया था। पूर्व में राजधानी रही पांगणा के किलों को गिरा दिया गया था। समाजसेवी बंसीलाल कौंडल ने कहा कि हमे अपने क्षेत्र के क्रांतिकारी इतिहास पर गर्व है। यहां के लोग न अंग्रेजों के आगे झुके और न राजा के आगे। बेगार और शोषण के खिलाफ लड़ाई आज भी प्रेरक है। उन्होंने किताब के लेखक गगनदीप सिंह का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने तीन साल की मेहनत से किताब तैयार की। उन्होंने कहा कि हर सुकेतवासी को ये किताब पढ़नी चाहिए। तुलसीराम गुप्ता ने किताब देख कर काफी ख़ुशी प्रकट की। उनके पिताजी द्वारा उर्दू में लिखी गई अपनी आत्मकथा को उन्होंने हिंदी अनुवाद कर लेखक को दिया था। इस किताब में करसोग क्षेत्र के लगभग 100 के करीब लोगों का जिक्र किया गया है और 32 विद्रोहियों के फोटो भी है।
भाजपा के लिए मंडी संसदीय क्षेत्र का उपचुनाव न सिर्फ प्रदेश बल्कि केंद्र की सियासत के लिहाज से भी विशेष महत्व रखता है। प्रदेश के लिहाज से बात करें तो इस संसदीय क्षेत्र के तहत 17 विधानसभा हलके आते है, जिसमें से 9 स्वयं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी के है। जाहिर है ऐसे में इस चुनाव को उनकी परफॉरमेंस से जोड़कर देखा जायेगा। वहीँ राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के उपरांत हिमाचल प्रदेश में ये जगत प्रकाश नड्डा का भी पहला बड़ा इम्तिहान है। सो उनके लिए भी ये चुनाव प्रतिष्ठता का प्रश्न है। ऐसे में भाजपा यहां कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंडी में जनसम्पर्क अभियान शुरू कर चुके है। मुख्यमंत्री ये एलान कर चुके है कि मंडी उनकी थी, उनकी है और उनकी ही रहेगी। किसी भी सूरत में मंडी उपचुनाव हारना भाजपा के लिए ऑप्शन नहीं है। येन- केन-प्रकारेण, मंडी में जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी को जो भी करना पड़े पार्टी वो करने से पीछे नहीं हटेगी। शायद इसीलिए मंडी में स्वयं टिकट मांगने वाले प्रत्याशियों को अनदेखा कर पार्टी मंत्रियों को चुनाव लड़ने के लिए मनाने में लगी है। माना जा रहा है कि ज़रूरत पड़ी तो पार्टी कोई नया चेहरा सामने लाकर सभी को चौंका भी सकती है। मंडी संसदीय क्षेत्र की 17 सीटों में से 13 में भाजपा के विधायक है। ऐसे में सिर्फ मुख्यमंत्री और मंत्रियों पर ही नहीं, मंडी उपचुनाव में बेहतर करने का प्रेशर भाजपा के सभी 13 विधायकों पर है। विधायकों को अपने -अपने क्षेत्रों से लीड सुनिश्चित करनी होगी। इसी तरह अन्य चार विधानसभा क्षेत्रों में भी पार्टी के मुख्य चेहरों पर लीड दिलवाने का दबाव रहेगा। 2019 के लोकसभा चुनाव में इन सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को शानदार लीड मिली थी, अब इसे बरकरार रखना बड़ी चुनौती है। ये तय है कि नतीजे के लिहाज से हर क्षेत्र का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा। नतीजे के बाद विधानसभा क्षेत्रवार नफे -नुक्सान का आंकलन होगा। ऐसे में ये प्रदर्शन 2022 में टिकट की दावेदारी पर भी असर डालेगा।
2 अक्टूबर शनिवार को महाविद्यालय करसोग में गांधी जयंती पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसका नेतृत्व एनएसएस के प्रोग्राम ऑफिसर डॉ बीरबल ने किया। जिसमें एनएसएस के प्रधान डोली राज और सभी स्वयंसेवीयों की अहम भूमिका रही। प्रेस सचिव पूजा ठाकुर जानकारी देते हुए बताया कि गांधी जयंती के इस अवसर पर एनएसएस कार्यकर्ता वह स्वयंसेवीयों द्वारा स्वच्छता अभियान भी चलाया गया तथा महाविद्यालय करसोग के पूरे परिसर में साफ सफाई की गई। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी स्वयंसेवीयों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उपमंडल जोगिंदर नगर के आर्यन पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऐहजु के 2 छात्रों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ है। जानकारी देते हुए स्कूल के प्रधानाचार्य रणवीर ठाकुर ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आर्यन पब्लिक पाठशाला के छात्रों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ है। उन्होंने कहा जहां एक तरफ आज के समय में कोरोना के चलते छात्रों की स्कूली शिक्षा ऑनलाइन माध्यम से दी जा रही है, वहीं पाठशाला के अध्यापकों द्वारा स्कूली शिक्षा के साथ-साथ छात्रों को अन्य प्रतिस्पर्धा परीक्षाओं की भी तैयारी करवाई जा रही है। जिसके परिणाम स्वरूप पाठशाला के 2 छात्र अभिरेंद्र और सक्षम वर्मा का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ है। स्कूल के प्रधानाचार्य रणबीर ठाकुर और निदेशक राजकुमार ठाकुर ने इस उपलब्धि पर छात्रों के माता-पिता व सभी अध्यापकों को बधाई दी है और बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
प्रदेश होने वाले उपचुनाव में भाजपा की जीत सुनिशचित करने लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मोर्चा संभाल लिया है। शुक्रवार को उन्होंने सिराज में भाजपा मंडल की बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को जीत के टिप्स दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सिरज हो जिला शिमला का दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार, प्रदेश के सभी क्षेत्रों में हमारी सरकार ने वो काम कर दिखाया जो छह बार के मुख्यमंत्री भी नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि 2017 के विधासभाचुनाव में हमें हराने के लिए कांग्रेस ने कई हथकंडे अपनाए, लेकिन हम जीतते रहे और हम आगे भी जीतते रहेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना जैसे संकट काल में भी हमारी सरकार ने विकास को रुकने नहीं दिया। प्रदेश सरकार ने अब तक के कार्यकाल में हरेक विधानसभा क्षेत्र में कई विकास कार्य किए हैं। आपको इन कार्यों को लेकर लोगों के बीच जाना होगा। उन्होंने कहा कि पहली बार सिराज को इतना बड़ा सम्मान मिला है, इसे ठेस नहीं पहुंचने देनी है। जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जो लोग पार्टी से जुड़ना चाहते हैं, उन्हें जोड़िए। जो लोग मुझसे मिलना चाहते हैं, हमेशा की तरह उनका पूरा स्वागत और सम्मान होगा। पिछली सरकार में तो ऐसा होता था कि ओकओवर में लोग आते थे और मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाने तक ही सीमित होकर रह जाते थे। मगर हमारी सरकार और पार्टी दोनों में लोगों को सम्मान मिलता है और उनकी समस्याएं भी सुलझाई जाती हैं। मुखयमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि उपचुनाव में जीत का पुराना रिकॉर्ड बरकरार रखना होगा। उन्होंने कहा कि कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगवाने में हिमाचल पूरे देश में नंबर वन पर आया तो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वॉरियर्स से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने सराजियों का जिक्र किया तो पूरे क्षेत्र की जनता को सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग भी आप लोगों के बीच आएंगे, तरह-तरह की बातें करेंगे। हिमाचल प्रदेश में आज भाजपा की सरकार के चार साल पूरे होने वाले हैं मगर विपक्ष के पास हमारे खिलाफ कहने को कुछ नहीं है। केंद्र में भी मोदी सरकार को साढ़े सात साल होने वाले हैं, लेकिन मोदी जी के खिलाफ भी विपक्ष को कुछ कहने को नहीं मिला। जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से मंडी भी जीतेंगे और तीनों विधानसभा सीटें भी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब पीछे मुड़कर देखने का समय नहीं है, आगे बढ़िए। अब इतिहास के हिस्से में एक पन्ना रहेगा कि जब हिमाचल में पांच साल बाद सरकारें बदलती थीं, वहां एक ऐसा सराजी था जिसने पांच साल बाद फिर भाजपा की सरकार बनाई।
राजकीय महाविद्यालय जोगिंद्र नगर में एनसीसी कैडेट्स तथा बीएससी के विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में एनसीसी कैडेट्स तथा बीएससी के विद्यार्थियों ने अपने विचार व्यक्त किए। जिसमें उन्होंने सफाई अभियान के महत्व को समझाते हूए इसे अपने जीवन में एक अहम हिस्सा बताया। एनसीसी कैडेट्स तथा बीएससी के विद्यार्थियों ने "स्वच्छ भारत एवं एक कदम स्वच्छता की ओर थीम पर आधारित पोस्टर तथा पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की। इसके उपरांत एनसीसी कैडेट्स ने महाविद्यालय कैंपस की सफाई भी की। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ सुनीता सिंह, एनसीसी एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ समजीत सिंह ठाकुर, प्रो० उत्तम भारद्वाज तथा डॉ चेतना शर्मा भी उपस्थित रहे।
मंडी संसदीय सीट के उपचुनाव को लेकर पंडित सुखराम परिवार के खिलाफ मुखर होते हुए कौल सिंह ने कहा कि हाईकमान को बीते चुनाव में हुई हार के मार्जन पर विचार करने के बाद ही टिकट फाइनल करना चाहिए। आठ बार के विधायक और पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने मंडी संसदीय सीट का उपचुनाव लड़ने से साफ इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि मेरे पास संसाधनों और धनराशि की कमी है। वर्ष 2022 में विधानसभा का आखिरी चुनाव लड़ना है। पार्टी जिसे भी मंडी से प्रत्याशी तय करेगी, उसके लिए पूरी मेहनत से काम किया जाएगा। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला पहुंचे कौल सिंह ने कहा कि बीते दिनों उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर के साथ मंडी संसदीय क्षेत्र का दौरा किया है। अधिकांश कार्यकर्ता मंडी से पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह के लिए टिकट चाहते हैं। प्रतिभा सिंह सबसे सशक्त उम्मीदवार हैं। हाईकमान नेे मुझसे भी चुनाव लड़ने को लेकर राय मांगी थी, लेकिन मैंने चुनाव लड़ने से इंकार किया है। मंडी संसदीय सीट में बीते चुनाव को छोड़कर आज तक भाजपा या कांग्रेस का कोई भी उम्मीदवार चार लाख मतों के अंतर से नहीं हारा है। उन्होंने भाजपा से मंत्री महेंद्र सिंह को चुनाव मैदान में उतरने की चेतावनी देते हुए कहा कि उपचुनाव में महेंद्र सिंह को हम आइना दिखाएंगे।
स्कूल प्रबन्धन समिति शिक्षा खण्ड दरंग -1 में खण्ड स्तरीय एसएमसी ट्रेनिंग कार्यक्रम का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल जोगिंदरनगर में किया गया। जिसमें 36 प्राथामिक, 9 माध्यामिक,1 उच्च एवं 8 राजकीय वरिष्ठ पाठशालाओं के एसएमसी प्रधान, 4 पंचायत प्रधान, 2 उपप्रधानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में खण्ड परियोजना अधिकारी महेश प्रसाद, उप प्रधानाचार्य दुर्गा सिंह, स्त्रोत समन्वयक एवं प्रधानाचार्य डा० सुनील ठाकुर ,शाखा प्रबंधक मती सुषमा, जिला परिषद विजय भाटिया, बीआरसी मनोज कटोच व अतुल लखन पाल विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने उपस्थित सदस्यों को एसएमसी गठन, कार्य, जिम्मेदारी की जानकारी, न्यू एजुकेशन पोलिसी के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ० विशाल शर्मा ने कहा कि मंडी लोकसभा उपचुनाव के दौरान विभिन्न राजनीतिक दल चुनाव प्रचार के दौरान रोड शो के साथ-साथ मोटर, बाइक व साईकिल रैली का आयोजन नहीं कर पाएंगे। इसके अलावा डोर-टू-डोर प्रचार के दौरान भी उम्मीदवार सहित केवल पांच व्यक्तियों को ही प्रचार करने की इजाज़त रहेगी। एसडीएम शुक्रवार को जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि लोकसभा उप चुनाव प्रचार अभियान के दौरान राजनीतिक दलों को इंडोर बैठक के दौरान कुल हाल की क्षमता के 30 प्रतिशत या अधिकतम 200 लोगों जिनमें से जो भी कम हो की ही अनुमति रहेगी, जबकि आउटडोर बैठक करने पर कुल क्षमता के 50 प्रतिशत या स्टार प्रचारक के दौरान अधिकतम एक हजार तथा अन्य मामलों में 500 लोगों जिनमें से जो भी कम हो की ही अनुमति रहेगी। जबकि उम्मीदवार, चुनाव एजेंट, पोलिंग एजेंट इत्यादि के लिए कोविड 19 की दोनों डोज़ लगी होना भी जरूरी रहेगा। इसके अतिरिक्त चुनाव आयोग द्वारा जारी आदर्श चुनाव आचार संहिता की सभी राजनीतिक दलों से कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित बनाने का भी आहवान किया। एसडीएम ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा जारी नवीन दिशा निर्देशों के तहत इस बार 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता पोस्टल बैलेट से भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर पाएंगे। इसके अलावा दिव्यांगजन तथा कोविड 19 संक्रमित व्यक्तियों के लिए भी पोस्टल बैलेट की सुविधा रहेगी। जिसके आधार पर भी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उन्हे पोस्टल बैलेट की सुविधा प्रदान करेंगे। उन्होनें बताया कि पोस्टल बैलेट की सुविधा वैकल्पिक रहेगी तथा जो मतदाता मतदान केंद्र पर जाकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना चाहते हैं वे अपना मत मतदान केंद्र में पहुंचकर इस्तेमाल कर सकते हैं।
वीरवार को व्यापार मंडल जोगिन्दर नगर के अध्यक्ष अजय धरवाल के नेतृत्व में रेहड़ी फड़ी वालों ने उपमंडलाधिकारी नागरिक को ज्ञापन सौंपा ओर मांग की कि पथ विक्रेता (जीविका सरंक्षण ओर पथ विक्रय विनियम अधिनियम 2014 (2014 का अधिनियम संख्या 17) के अंतर्गत जोगिन्दर नगर से मच्छयाल रोड में जो रेहड़ी फड़ी वाले स्ट्रीट वेंडर एक्ट के तहत रजिस्ट्रेशन करवा कर बैठें है उन्हें लोक निर्माण विभाग द्वारा मौखिक रेहड़ी फड़ी हटाने को कहा जा रहा है जो कि स्ट्रीट वैंडिंग ऐक्ट की अवहेलना है। साथ ही माननीय सर्वोच्च न्यायायल के आदेशों की भी अवहेलना है। अतः व्यापार मंडल ने मांग की कि लोक निर्माण विभाग को उचित दिशा निर्देश दें ताकि गरीब रेहड़ी फड़ी वालों की रोजी रोटी पर आंच न आए। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडिंग एक्ट में दर्ज रेहड़ी फड़ी वाले को तब तक उसके स्थान से हटाया नहीं जा सकता जब तक कि उसे अन्य जगह उपलब्ध न करवायी जाए। इस पर उपमंडलाधिकारी नागरिक ने लोक निर्माण विभाग को उचित आदेश जारी करने का भरोसा दिया। व्यापार मंडल ने कहा कि यदि प्रशासन विभाग को उचित दिशा निर्देश नहीं देता है तो प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने को उन्हें मजबूर होना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर माँ शिकारी देवी का आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ेंगे यह बात हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को सनारली में पत्रकारों से कही। बुधवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रदेश में उपचुनाव के लिए आचार संहिता लगते ही अपने घर तांदी के लिए शिमला से बाया करसोग होकर निकले तथा इस मौके पर वे सनारली में लोगों के साथ बातचीत करने के लिए उतरे व मीडिया कर्मियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आचार संहिता लगने के बाद वे अपने निजी दौरे पर अपने गांव की तरफ निकले हैं व अपने इस दौरे के दौरान वह सिराज क्षेत्र में बैठकों की अध्यक्षता भी करेंगे। वहीं इस दौरान उन्होंने माता शिकारी के भी दर्शन किए। करसोग में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि माता शिकारी देवी के दर्शन करने के बाद वह चुनावी प्रक्रिया में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि शिकारी देवी पर्यटकों के लिए एक अहम धार्मिक पर्यटन स्थल हैं। उम्मीदवारों की घोषणा के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्र तक उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी व चुनाव में सशक्त उम्मीदवारों को ही मैदान में उतारा जाएगा। संभावना है कि छह अक्टूबर तक प्रत्याशी घोषित हो जाएं। मुख्यमंत्री के दर्शन के दौरान माता शिकारी मंदिर में उपायुक्त मंडी पहले ही मंदिर कमेटी के साथ मिलकर तैयारी कर चुके थे। वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के इस दौरे के दौरान उनके साथ उनकी धर्मपत्नी डॉक्टर साधना ठाकुर भी मौजूद रही।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व में मंत्री रह चुके ठाकुर गुलाब सिंह को मंगलवार देर शाम स्वास्थ्य बिगड़ने के चलते सिविल अस्पताल जोगिंदर नगर में एडमिट किया गया है। जानकारी के अनुसार ठाकुर गुलाब सिंह की शुगर में एक बार फिर से बढ़ोतरी होने के चलते, उन्हें चेकउप के लिए सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर लाया गया। जहां डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें दाखिल किया गया। गौरतलब है कि इससे पहले भी शुगर बढ़ने के चलते ठाकुर गुलाब सिंह सिविल अस्पताल जोगिंदर नगर में भर्ती रह चुके हैं।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के खलियार में वन निगम के लकड़ी के डिपो में बुधवार सुबह अचानक आग भड़क गई। आग से वन निगम कार्यालय के दो कमरे जलकर राख हो गए हैं। आग से साथ लगता रिहायशी इलाका भी बाल-बाल बचा है। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालाँकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वंही आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
मंगलवार को सुंदरनगर उप-मण्डल की दूर-दराज स्थित निहरी तहसील की ग्राम पंचायत घड़ोई के नितांत पिछड़े मणाह गांव में कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश, विकास खंड सुंदर नगर द्वारा आत्मा परियोजना के अंतर्गत सुभाषपालेकर प्राकृतिक खेती पर दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें आत्मा परियोजना के खंड तकनीक प्रबंधक लेख राज, सहायक तकनीकी प्रबंधक मनोज कुमार, मास्टर ट्रेनर मेहर सिंह भी उपस्थित रहे।जिन्होने सुभाषपालेकर प्राकृतिक खेती की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। इस कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले प्राकृतिक घटकों को बनाने व उपयोग में लाने की पूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इस प्रशिक्षण शिविर में 30 किसानो ने भाग लिया। इस मौके पर घड़ोई पंचायत की प्रधान जया शर्मा भी उपस्थित थी। जया शर्मा ने कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश व कार्यक्रम आयोजक आत्मा परियोजना के खंड तकनीक प्रबंधक लेख राज, सहायक तकनीकी प्रबंधक मनोज कुमार, मास्टर ट्रेनर मेहर सिंह व सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत में प्राकृतिक खेती की महिमा किसी से छिपी नहीं है। प्राकृतिक खेती के गूढ़ाशय को आजादी से पूर्व अंग्रेजो ने समझा, प्राकृतिक खेती की वैज्ञानिक प्रक्रियाओं को जाना लेकिन फिर भी रासायनिक खाद का प्रचार कर भारत की जमीन,जल,पर्यावरण और शुद्ध खाद्य पदार्थों की दूषित कर दिया। काल क्रम से पैदावार तो बढ़ी लेकिन रासायनिक खाद और राजनीतिक दवाओं के अंधाधुंध प्रयोग व छिड़काव से तैयार फसलों के सेवन के कारण, मनुष्य, पशु-पक्षियों, मधुमक्खियों, किसान मित्र कीट-पतंगो, जल-जंगल-जमीन के स्वास्थ्य को बहुत अधिक नुक्सान हुआ। आज भारत के प्राकृतिक खेती के उस प्राचीन गौरव को लौटाने के लिए केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा जो प्रयास किए जा रहे हैं उससे गांव-गाँव के किसान-बागबान विषैले रासायनिक पदार्थों को छोड़कर प्राचीन भारतीय कृषि के मूल स्वरूप को जानकर सुभाषपालेकर प्राकृतिक खेती को अपनाकर मानव,जीव-जंतुओं, जल-जंगल-जमीन और प्रकृति का भी संरक्षण कर रहे हैं।
आयुर्वेदिक वीं फार्मा कालेज जोगिंदर नगर में फार्मासिस्ट सप्ताह का आयोजन 25 सितंबर से 28 सितंबर तक किया गया। फार्मासिस्ट डे जो कि 25 सितंबर को मनाया जाता है, उसके उपलक्ष्य में संस्थान में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गई। जिनमें हेल्थ चेकअप भी शामिल था। कॉलेज के सभी विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में बढ़ चढ़कर भाग लिया। जिनका आयोजन प्रधानाचार्य प्रो डा० राकेश थम्मन द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को हर साल दुनियाभर में वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे मनाया जाता है। हमारे स्वास्थ्य के लिए जितने जरूरी डॉक्टर हैं, उतने ही जरूरी फार्मासिस्ट हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में फार्मासिस्ट की भागीदारी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। इसीलिए हर साल विश्व फार्मासिस्ट दिवस की शुरुआत की गई, ताकि लोगों को इनके योगदान के बारे में हमेशा जानकारी रहे। इस अवसर पर प्राध्यापक श्रुति शर्मा, रविन्द्र कुमार, सुरेश कुमार, वरिष्ठ सहायक शगुन सूद विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
सेवा समर्पण अभियान के तहत भाजपा महिला मोर्चा जोगिंदर नगर द्वारा राजस्थानी बस्तियों में जाकर बच्चों को कॉपी पेंसिल और फल वितरित किए। इस बारे में जानकारी देते हुए भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष मेघना ठाकुर ने बताया कि बीजेपी 17 सितंबर से लेकर 7 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए सेवा समर्पण अभियान चला रही है और इसीके तहत हर रोज शहरी, जिला और विधानसभा स्तर पर अभियान आयोजित किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को भाजपा महिला मोर्चा जोगिंदर नगर द्वारा जोगिंदर नगर में स्थापित राजस्थानी बस्तियों में जाकर बच्चों को कॉपी पेंसिल और फल वितरित किए। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71 वें जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी सेवा समर्पण अभियान के रूप में मना रही है। इस उपलक्ष में बीजेपी तरह तरह के आयोजन कर रही है। इस दौरान प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य आशा ठाकुर सहित भाजपा महिला मोर्चा जोगिंदर नगर की सभी सदस्य उपस्थित रही।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भद्रोता में कैंपस साक्षात्कार का आयोजन किया जायेगा। इस विषय में जानकारी देते हुए प्रधानाचार्य सचिन शर्मा ने कहा की 1अक्टूबर को परवाणु, बद्दी की कंपनियां जिसमे एमटी ऑटोक्राफ्ट परवाणू 16 पद, हिम टेक्नो बद्दी 20 पद, ग्लोबल बद्दी 23 पद, यूटीएल इनवर्टर परमाणु 30 पद आदि शामिल हैं। जिसमें फिटर, मशीनिस्ट, एमएमबी, वेल्डर,प्लंबर व इलेक्ट्रिशियन तथा इलैक्ट्रॉनिक्स मकैनिक के 2021 में पास होने वाले अभ्यर्थी तथा 2017 के बाद सभी पास अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को वेतन प्रतिमाह 9500 रुपए सीटीसी तथा ईएसआई, पीएफ, कैंटीन फैसिलिटी तथा ओवरटाइम की सुविधा भी कंपनी द्वारा दी जाएगी। इसी के साथ कंपनियां सिक्योरिटी गार्ड की भर्ती हेतु भी कैंपस साक्षात्कार करेगी। जिसमें 10वीं व 12वीं पास अभ्यर्थी भी इसमें भाग ले सकते हैं। सेक्योरिटी गार्डस को कंपनी 12000 मासिक वेतन देगी। सनातक किए हुए युवा सुपरवाइजर के लिए आवेदन कर सकते हैं। साक्षात्कार में आने वाले सभी अभ्यार्थी अपने मूल दस्तावेजों सहित जिसमें दसवीं का प्रमाण पत्र, एनटीसी, आधार कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड, रोजगार कार्यालय पंजीकरण पत्र, व दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना ना भूलें।
राजकीय महाविद्यालय द्रंग स्थित नारला में पांच अलग अलग विषयों पर सात दिवसीय जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान कालेज के स्वयंसेवियों ने कालेज परिसर की साफ सफाई की। कालेज की फुलवारी को संवारा गया। पौधरोपण कार्यक्रम में स्वयं सेवियों ने चौड़ी पतेदार और औषधीय पौधों का रोपण किया। पधर पुलिस थाना प्रभारी अनिल कुमार ने स्वयंसेवियों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी। वहीं उन्होंने नशा को युवा पीढ़ी के लिए घातक बताया। स्वयंसेवियों से आहवान किया कि नशा निवारण के लिए समाज की भावी पीढ़ी को जागरूक करें। साइबर क्राइम केे बारे में भी उन्होंने स्वयंसेवियों को विस्तार पूर्वक जागरूक किया। वन्य जीव एवं जल संरक्षण अभियान के तहत स्वयंसेवियों ने स्लोगन, पेंटिंग, राइटिंग, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
शनिवार को नेहरू युवा केंद्र मंडी व युवक मंडल छत्तर द्वारा फिट इंडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जोगिंदरनगर के भट्ठा में आयोजित किया गया। इस आयोजन के उपलक्ष में मुख्यअतिथि उपप्रधान मसौली मनीष चौधरी ने युवाओं को स्वास्थ्य के बारे जागरूक किया। वह एनवाईवी प्रदुमन कुमार ने स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देते हुए, फिट इंडिया अभियान के बारे में भी लोगों को जागरूक किया। फिट इंडिया कार्यक्रम के तहत रेस का आयोजन किया गया। 800 मीटर रेस में 29 युवाओं तथा 1600 मीटर रेस में 15 युवाओं ने भाग लिया। 800 मीटर रेस में अभिषेक ने प्रथम स्थान, अक्षय ने द्वितीय स्थान व शिवांश ने तृतीय स्थान हासिल किया तथा 16 मीटर रेस में रजत ने प्रथम स्थान, अभिषेक ने द्वितीय स्थान तथा मनीष ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता युवाओं को मोमेंटो तथा सर्टिफिकेट के साथ सम्मानित किया गया और अंत में फ्रूट व जूस भी बांटे गए
महाविद्यालय करसोग में 52वां राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस मनाया गया। इसमें महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉक्टर गुलशन महाजन मुख्यअतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस कार्यक्रम में सोनिया चौधरी, बीरबल व वर्षा तथा महाविद्यालय के संगीत कला अध्यापक और वरिष्ठ स्वयंसेवी हितेश, दीपक, सोनिया भी मौजूद रहे। संगीत के 15 छात्राओं ने कार्यक्रम में अपनी प्रसतुति दी। इस कार्यक्रम में ड्रामाटिक क्लब के 20 छात्राओं ने भाग लिया। इस मौके पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवीयों ने भी अपनी रंगारंग प्रस्तुति दी। प्रेस सचिव पूजा ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन स्वयंसेवियों को जो कार्य सौंपा गया था, उन्होंनें उस कार्य को निष्ठा और अनुशासन से संपन्न किया।
हिमाचल प्रदेश अपने शाब्दिक अर्थ के अनुसार हिमालय की गोदी में बसा ऐसा प्रदेश है जो आज सेब बागवानी के कारण पूरे विश्व में अलग पहचान रखता है। हिमाचल ग्रामीण प्रधान प्रदेश है। यहाँ की अधिकतर आबादी गांव में रहती है और अधिकतर आबादी कृषि पर निर्भर है। सरकार ने किसानों और बागवानों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए अनेक प्रभावी कदम उठाए हैं। बागवानों को सेब की उत्तम किस्मों को लगाने पर बल दिया जा रहा है। बागवानों को उत्तम किस्म के सेब के पौधे उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। यह जानकारी करसोग पंचायत की दूर-दराज स्थित सरकार द्वारा पिछड़ी घोषित धार-बेलर पंचायत मे आयोजित एक दिवसीय बागवानी शिविर में एसएमएस करसोग डाक्टर जगदीश वर्मा ने दी। इस अवसर पर उद्यान विकास अधिकारी डाक्टर चमेली नेगी ने कहा कि बागवानी का हिमाचल जैसे क्षेत्र को आर्थिक उन्नति की ओर ले जाने में विशेष महत्व है। उन्होंने सेब की बीमारियों, उनके बचाव के प्रबंध तथा उत्पादन पर बहुत उपयोगी जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर सुभाषपालेकर प्राकृतिक खेती की जिला सलाहकार व मास्टर ट्रेनर लीना शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक ढंग से खेती की गुणवत्ता को बढ़ाने के तरीकों का सदियों से प्रभाव रहा है लेकिन किसानों और बागवानों द्वारा अवैज्ञानिक तौर तरीके अपनाए जाने के कारण मिट्टी, पौधों के साथ प्राणीयो के स्वास्थ्य को भी नुकसान हो रहा है। ऐसे में हर कार्य वैज्ञानिक सलाह से ही किया जाना चाहिए। लीना शर्मा ने प्राकृतिक कीटनाशक नाशको के निर्माण तथा कब-कब इनका प्रयोग करना चाहिए इस विषय में तथा जीवामृत बनाने की प्रयोगात्मक जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान सुषमा देवी, उप-प्रधान कृष्ण चंद, पंचायत समिति सदस्या जसमति ठाकुर, समाज सेवी सरदार ठाकुर पंचायत सचिव तेजराम व सदस्यगण, आँगनबाड़ी कार्यकर्ता, बागबानो व किसानों ने बढ़चढ़ कर भाग लेकर बागवानी से संबंधित उपयोगी वैज्ञानिक और प्राकृतिक जानकारी प्राप्त की।
वीरवार को राजीव गांधी स्मारक महाविद्यालय में रोवर और रेंजर इकाई द्वारा वन्य प्राणी एवम् जल सुरक्षा पर चित्रकला एवम् नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या सुनीता सिंह, रोवर लीडर डॉ विशाल कुमार, रेंजर लीडर पूनम कुमारी, प्रो ओम प्रकाश कपूर, राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ पवन कुमार और निर्णायक की भूमिका में डॉ माधवी जोशी उपस्थित रहे। नारा लेखन प्रतियोगिता में बी ए प्रथम वर्ष की छात्रा सलोनी, द्वितीय और तृतीय स्थान पर क्रमशः बी ए तृतीय वर्ष की प्रियांशु और पर प्रियंका ठाकुर रही। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर इंदु, द्वितीय स्थान पर कनिका और तृतीय स्थान पर स्वाति और सलोनी रही।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी के राज्य प्रवक्ता डॉ जय कुमार आजाद ने प्रतिभा सिंह को मण्डी लोकसभा उपचुनाव के लिए एक दमदार प्रत्याशी बताते हुए कहा कि उनके उपचुनाव लड़ने से कांग्रेस पार्टी मण्डी लोकसभा सीट पर विजय पताका फहराएगी। वहीं पर अन्य तीन विधानसभा उपचुनाव की सीटों को भी आसानी से हासिल करेगी। वीरवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ आजाद ने कहा कि भाजपा व जयराम सरकार द्वारा प्रदेश में उपचुनावों को टालना उनकी संभावित हार को दर्शाता है और जब भी प्रदेश में यह उपचुनाव होंगे, कांग्रेस पार्टी पूरी एकजुटता के साथ इन चुनावों को लड़ेगी और 2022 में जयराम सरकार की विदाई की पक्की नींव रखेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से आज समाज का हर वर्ग दु:खी है। महंगाई और बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। कानून-व्यवस्था तहस-नहस हो चुकी है और करोड़ों के कर्ज तले प्रदेश को लाया जा रहा है। सरकार की ना नीति साफ है और ना ही नीयत। मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर की सैर करने में मस्त हैं, विकास नगण्य है, किसान व बागवान निराश हैं और सरकार के मंत्री अधिकारियों,कर्मचारियों व आम लोगों को आये दिन धमका रहे हैं। प्रदेश में सरकार की शासन व प्रशासन पर कोई पकड़ नहीं है। ऐसे में प्रदेश की जनता जयराम की सरकार को जल्दी चलता करने को बेताब है।
सरकाघाट के अंतर्गत बलद्वाडा में बुधवार का दिन सेवा सप्ताह के अंतर्गत संवाद दिवस के रूप में मनाया गया। जिसके अंतर्गत बुजुर्गों का मोबाइल के माध्यम से हालचाल जाना गया। तहसील कल्याण अधिकारी बलद्वाडा लक्ष्मण दास ने बताया कि इस दिवस का मुख्य लक्ष्य बुजुर्गों के साथ विचार सांझा करना तथा उनका हाल-चाल पूछ कर उनका मनोबल बढ़ाना और भावी पीढ़ी को प्रेम पूर्वक तथा नशे से दूर रहकर जीवन यापन का संदेश बुजुर्गों के माध्यम से देना था। इस मौके पर हरजिंदर सिंह तहसील कल्याण विभाग सरकाघाट भी मौजूद रहे।
लडभडोल: लडभडोल क्षेत्र की ग्राम पंचायत खददर के तहत पड़ने वाली सलाहण-धार संपर्क सड़क के खस्ताहाल होने से क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है। सड़क की हालत खराब होने के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि बीमार हो जाने पर लोगों को चारपाई पर उठाकर मेन सड़क तक लाना पड़ रहा हैं। वहीं ताज़ा घटनाक्रम की बात की जाए तो गुरुवार सुबह तड़के गांव धार में भीमसेन 65 वर्षीय बुजुर्ग बीमार हो गए। गांव में किसी भी वाहन की आवाजाही है न होने के कारण उन्हें चारपाई पर उठाकर मेन सड़क तक लाया गया। जिसके लिए परिजनों सहित कई लोगों को इकट्ठा करना पड़ा और क्षेत्र में हो रही बारिश के बीच ही चारपाई के माध्यम से लोगों द्वारा मरीज़ को मेन सड़क तक पहुंचाया गया। स्थानीय निवासी भूरी सिंह, चांद धीमान, नारायण सिंह, बालम राम, देशराज, अनिल, चमन, सुनील, मिंटू, दान सिंह आदि ने कहा कि यह सड़क करीब 10 साल पहले बनी थी। उन्होंने विभाग के प्रति आरोप लगाते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग पूरी तरह लापरवाह नज़र आ रहा है। सड़क में जगह-जगह मिट्टी, पत्थर और गड्ढे पड़े हुए हैं, जिस कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप है। इस सड़क पर पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं है। गांव वासियों ने बताया कि जब बरसात का मौसम शुरू होता है तो यह सड़क पूरी तरह बंद हो जाती है। गांव वासियों ने प्रदेश सरकार सहित स्थानीय विधायक प्रकाश राणा से इस सड़क को दुरुस्त करने की मांग की है।
जिला मंडी में प्रशिक्षित नर्सरी अध्यापिका संघ द्वारा बुधवार को शांतिपूर्ण रैली का आयोजन किया गया। मंडी जिला उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व शिक्षा मंत्री गोविंद राम ठाकुर को अपनी मांगों के संदर्भ में ज्ञापन सौंपा। जिसमें जिला मंडी की एनटीटी होल्डर्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस रैली की अध्यक्षता स्टेट कारणी की महासचिव कल्पना शर्मा की अध्यक्षता में की गई। पिछले 23 वर्षों से NTT होल्डर सरकारों से गुहार लगाते आ रहे थे कि प्री० प्राइमरी कक्षाओं को सरकारी स्कूलों में चलाया जाए। कल्पना शर्मा ने कहा कि हम अपने प्रधानमंत्री का वह अपने प्रदेश के मुख्यमंत्री का तहदिल से धन्यवाद करते हैं कि उनके प्रयास से ही आज हमारे हिमाचल की राजकीय प्राथमिक पाठशाला में प्री० नर्सरी कक्षाओं को चलाया जा रहा है यह बहुत ही सराहनीय कदम है इसी के तहत एंटिटी होल्डर्स को भी रोजगार की आशा पूरी होती नज़र आ रही है। इतने वर्षों के लंबे इंतजार को जयराम सरकार विराम लगा रही है इसके लिए हम मुख्यमन्त्री का तहदिल से धन्यवाद करते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि जो प्री प्राइमरी कक्षाएं राजकीय प्राथमिक पाठशाला में चलाई जा रही हैं उनमें एंटिटी अध्यापकों की नियुक्ति किसी स्कीम के तहत ना करके आरएन्डपी रूल्स बनाकर अनुबंध के आधार पर की जाए और बैच वाइज़ भर्तियां की जाए और कई महिलाओं की उम्र 45 पार कर चुकी है इसलिए सरकार से विनम्र अनुरोध है कि आयु सीमा में भी छूट दी जाए ताकि इतने वर्षों से बेरोज़गार महिलाओं को रोज़गार मिल सके और हमारा भविष्य उज्जवल हो सके हमें पूर्ण विश्वास है कि हमारी वर्तमान सरकार हमारी इन मांगों को जल्द ही पूरा करेगी।
जोगिन्दरनगर: राजीव गांधी स्मारक राजकीय महाविद्यालय जोगिंदर नगर में प्राचार्य डॉक्टर सुनीता सिंह की अध्यक्षता में एनसीसी के 60 कैडेट्स ने महाविद्यालय परिसर में ऑर्नामेंटल पौधरोपण किया। प्रशासनिक भवन के पीछे की ओर से स्टाफ रेजिडेंस तक उन्होंने विभिन्न प्रकार के प्लांट्स लगाए। इस अवसर पर एनसीसी के एएन ओ लेफ्टिनेंट डॉक्टर समजीत सिंह ठाकुर, प्रोo उत्तम भारद्वाज, प्रोo ओम कपूर, डॉ माधवी जोशी, प्रोo पूनम कुमारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अमलताश, सिल्वर ऑक और थूजा के पौधे लगाए गए।
राजीव गांधी मेमोरियल महाविद्यालय जोगिंदर नगर में करियर गाइडेंस एवम प्लेसमेंट सैल द्वारा " सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती" के ऊपर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गय। यह कार्यशाला 20/09/21 से 21/09/21 तक चली। कार्यशाला में वाणिज्य विभाग के 60 छात्र, छात्राओं ने भाग लिया। कार्यशाला का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रधानाचार्या प्रोफेसर सुनीता सिंह ने किया। इस कार्यशाला को कृषि विभाग के चोंतड़ा ब्लॉक में कार्यरत ब्लॉक टेक्निकल मैनेजर सुनील कुमार ने संबोधित किया उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती का आरंभिक प्रयोग महाराष्ट्र राज्य के एक साधारण किसान सुभाष पालेकर ने किया था, जो इतना सफल रहा कि इसे सरकार ने कृषि की दशा एवम दिशा को सुधारने के लिए अपनाया तथा इसके लिए सुभाष पालेकर को सरकार ने पदम श्री जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार से समानित किया। सुनील कुमार ने प्रतिभागियों को प्राकृतिक खेती के महत्व एवम इसकी प्रक्रिया के ऊपर विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की, इसके अलावा प्राकृतिक खेती में देसी गाय के महत्व पर भी प्रकाश डाला। देसी गाय के गोबर एवम गोमूत्र की सहायता से बनने वाले विभिन्न तत्वों की विस्तार पूर्वक जानकारी उन्होंने प्रतिभागियों को दी जिसमे जीवामृत,वीजामृत, घनामृत तथा द्रेकाआस्त्र इत्यादि द्रव्यों को कैसे तैयार किया जाये तथा इनका प्रयोग करने की विधि एवम प्रभाव पर भी उन्होंने सम्पूर्ण जानकारी छात्र, छात्राओं को दी। कार्यशाला के दूसरे दिन प्रयोगात्मक तरीके से सभी तत्वों के निर्माण की विधि बताई गई। कार्यशाला के अंतिम दिन प्रधानाचार्या प्रोफेसर सुनीता सिंह ने प्रतिभागियों को समय की आवश्यकता बताते हुए इसे बेहतर तरीके से सीखने तथा इसे अपने गाँव एवम पंचायत स्तर पर पहुचाने की अपील प्रतिभागियों से की। इस कार्यक्रम के समन्वयक प्रोफेसर नवीन निश्चल ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिभागी प्राकृतिक खेती को आने वाले समय मे रोजगार के साधन के रुप मे अपना सकतें हैं । साथ ही उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशाला का आयोजन महाविद्यालय के विज्ञान एवं कला संकाय के विद्यार्थियों के लिये भी जल्द ही करवाया जयेगा। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. शमशेर सिंह राणा प्रो. बुद्धि सिंह करियर गाइडेंस सेल की समन्वयक प्रो. उत्तम भारद्वाज प्रो. ओम प्रकाश प्रो. संतोष प्रो. दीपक कुमार तथा कृषि विभाग से शुभम तथा योगराज भी उपस्थिति रहे।
सरकाघाट वि.स. क्षेत्र की खुडला पंचायत के बरोट गाँव से भारतीय सेना से सेवानिवृत विजय सिंह के सुपुत्र अविनाश जमवाल ने कर्नाटक के बेल्लारी में संपन्न सीनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता और सरकाघाट क्षेत्र का नाम रोशन किया। सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता व नबाही वार्ड से जिला परिषद सदस्य मुनीष शर्मा ने फोन पर अविनाश जमवाल को बधाई दी । जिस तरीके का अविनाश जमवाल का प्रदर्शन रहा है ,उसको देख कर उनको भारतीय बॉक्सिंग का उभरता हुआ सितारा माना जा रहा है।अविनाश जमवाल फिलहाल राजकीय महाविद्यालय सीमा में अध्ययनरत हैं।अविनाश जमवाल ने अपनी जीत का श्रेय अपने माता पिता, गुरुजनों व कोच साहिबानों को दिया। अविनाश जमवाल ने संदेश दिया है कि युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलकूद गतिविधियों में आगे आना चाहिए और अपने क्षेत्र व प्रदेश, देश का नाम ऊँचा करना चाहिए। अविनाश जमवाल ने कहा कि वह आने वाले समय में कड़ी मेहनत करेंगे और उनका सपना है कि वह भारत का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करें ।


















































