प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक हुई। इस बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लिए गए फैसलों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पीएम के नेतृत्व में कैबिनेट की बैठक हुई जिसमें आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को बढ़ावा देने के लिए 3 निर्णय लिए गए। मंत्रिमंडल ने उच्च दक्षता वाले सौलर पीवी मॉड्यूल ट्रांस-2 के लिए PLI स्कीम को मंजूरी दी है। अनुराग ठाकुर ने बताया कि इसके लिए 19,500 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया। साथ ही 14 क्षेत्र में PLI स्कीम लाई गई है। इस स्कीम से सोलर पैनल को देश में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि दूसरा फैसला सेमी कंडक्टर और डिसप्ले के उत्पादन को लेकर है। सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन पॉलिसी को और आकर्षक बनाया गया है। 2 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और 8 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि तीसरा फैसला राष्ट्रीय लॉजिस्टिक नीति को लेकर है जिसका अनावरण पीएम ने 17 सितम्बर को किया था। बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गत 17 सितंबर को ही राष्ट्रीय लॉजिस्टिक नीति की रूपरेखा पेश कर चुके हैं। इसके माध्यम से देशभर में उत्पादों के निर्बाध आवागमन को प्रोत्साहन देकर परिवहन से जुड़ी लागत में कटौती करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री ने लॉजिस्टिक नीति जारी करते हुए कहा था कि इसका मकसद लॉजिस्टिक लागत को सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 13-14 प्रतिशत के मौजूदा स्तर से घटाकर इकाई अंक में लाना है। लॉजिस्टिक नीति के तहत एक एकीकृत लॉजिस्टिक इंटरफेस मंच (यूलिप) का विकास करने का प्रस्ताव रखा गया है जो विभिन्न सरकारी एवं निजी एजेंसियों के मददगार के तौर पर काम करेगा।
पिछले कई दिनों से कांग्रेस पार्टी में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर हलचल मची हुई है। आये दिन नेताओं की बैठक लग रही है।इस बात को मद्देनजर रखते हुए वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री की अध्यक्षता वाले केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण की ओर से कल यानी गुरुवार को अधिसूचना जारी करने की घोषणा हुई। इसके साथ ही औपचारिक रूप से चुनावी प्रक्रिया भी शुरू हो जायेगी। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे। गौरतलब है कि, जब से राहुल गांधी ने पार्टी की कमान ना संभालने के संकेत दिये थे। उसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनावी मुकाबला होने के आसार भी बढ़ भी गए थे।
केंद्रीय पर्यावरण और वन मंत्रालय ने हाथियों के डीएनए का प्रोफाइल बनाने का फैसला किया है। इसके तहत देशभर में मौजूद 2627 हाथियों का डीएनए डेटा तैयार किया जाएगा। सारे डेटा को सूचना ऐप 'गज' पर सुरक्षित रखा जाएगा। इस डेटा के जरिए सरकार को हाथियों से जुड़ी हर जानकारी मिल सकेगी। पर्यावरण मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि इस संबंध में 100 हाथियों का एक पायलट प्रोजेक्ट को पूरा भी कर लिया गया है और जल्द ही सारे पालतू हाथियों का डीएनए डेटाबेस तैयार कर लिया जाएगा। इस काम की जिम्मेदारी भारतीय वन्यजीव संस्थान को दी गई है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर सीएसआईआर की प्रमुख प्रयोगशाला सीसीएमबी हैदराबाद की भी मदद ली जा सकती है। देशभर में कुल 27 हजार हाथी हैं, इनमें से करीब 10 प्रतिशत पालतू हाथी है। ज्यादातर हाथी दक्षिण भारत के मंदिरों में हैं। चिड़ियाघरों में मौजूद हाथियों को भी पालतू की श्रेणी में गिना जाता है। पालतू हाथियों के खो जाने और उनके चोरी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके अलावा इन्हें एक जगह से दूसरी जगह पर ले जाने में कई तरह की मुसीबतों का सामना करना पड़ता था। इन्हीं सब समस्याओं का हल निकालने के लिए वन मंत्रालय ने ऐसा फैसला किया है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। स्पेशल सेल ने मुंबई के नवा शेरा पोर्ट पर दबिश देकर एक कंटेनर बरामद किया है। जिसमें करोड़ों रुपये की हेरोइन कोटेड मुलेठी भरी थी। बरामद किए गए नशे के सामान की कीमत 1800 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह दिल्ली पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने कुछ दिनों पहले 2 अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। उन दोनों ने नार्को टेरर का किया था। उनकी निशानदेही पर स्पेशल सेल की टीम ने 1200 करोड़ की ड्रग बरामद की थी। जब उन दोनों विदेशी नागरिकों से लंबी पूछताछ की गई तो उन्होंने खुलासा किया था कि मुंबई के पोर्ट पर भी एक कंटेनर में ड्रग मौजूद है।
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को मौसम ने करवट बदली है। कुल्लू में सुबह से बारिश हो रही है। जबकि लाहौल व मनाली की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। लाहौल घाटी में भारी बर्फबारी के कारण मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-003) बारालाचा टॉप के पास बर्फ जमने से बंद हो गया है। लाहौल स्पीति पुलिस ने बारालाचा दर्रे से यात्रा करने वाले सभी लोगों से आग्रह किया है कि वे दर्रे की ओर न जाएं और मौसम के बेहतर होने की प्रतीक्षा करें। रोहतांग दर्रा, बारालाचा सहित मनाली और लाहौल ऊंची चोटियों में ताजा बर्फबारी से पहाड़ियां सफेद हो गई हैं वहीं मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 27 सितंबर तक मौसम खराब बना रहने की संभावना है। इस दौरान कई भागों में बारिश की संभावना है। दक्षिण पश्चिम मानसून पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सक्रिय रहा। मनाली में 48.0, मशोबरा शिमला 21.0 और गोहर मंडी में 15.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान शिमला में न्यूनतम तापमान 11.8, सुंदरनगर 20.4, भुंतर 18.3, कल्पा 11.2, धर्मशाला 19.8, ऊना 23.4, नाहन 22.7, केलांग 8.3, पालमपुर 17.5, सोलन 19.0, मनाली 14.2, कांगड़ा 21.3, मंडी 21.1, बिलासपुर 21.0, हमीरपुर 21.0, चंबा 21.0, डलहौजी 15.0, जुब्बड़हट्टी 17.5, कुफरी 13.8, रिकांगपिओ 14.4 और पांवटा साहिब में 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
देश के रिटेल बाजार में सोना आज 150 रुपये से ज्यादा सस्ता होकर मिल रहा है। वहीं वायदा बाजार में मामूली सस्ता होकर मिल रहा है। वायदा बाजार में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना 49150 रुपये के करीब कारोबार कर रहा है। आज एमसीएक्स पर सोने का अक्टूबर वायदा 20 रुपये की गिरावट के बाद 49155 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है। वहीं चांदी का दिसंबर वायदा 263 रुपये की उछाल के साथ 56,606 रुपये प्रति किलो के रेट पर बना हुआ है। चांदी में आज करीब आधा फीसदी की उछाल देखी जा रही है।
भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली टी20 मैच में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 209 रनों का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 19.2 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए कैमरून ग्रीन और मैथ्यू वेड ने शानदार प्रदर्शन किया। जबकि भारत के लिए अक्षर पटेल ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया। अक्षर भारत की हार के बावजूद चमक गए। उन्होंने युजवेंद्र चहल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अक्षर पटेल ने 4 ओवरों में 17 रन देकर 3 विकेट झटके। उन्होंने कैमरून ग्रीन को अहम मोड़ पर आउट किया। ग्रीन ने 30 गेंदों में 61 रन बनाए। उन्होंने जोश इंग्लिस और कप्तान आरोन फिंच को पवेलियन भेजा। अक्षर ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी के दम पर युजवेंद्र चहल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में भारतीय गेंदबाजों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के मामले में अक्षर ने चहल को पछाड़ दिया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के मामले में भारतीय स्पिन गेंदबाजों की लिस्ट में अश्विन पहले नंबर पर हैं। उन्होंने एक मैच में महज 11 रन देकर 4 विकेट लिए थे। इस मामले में क्रुणाल दूसरे नंबर पर हैं। क्रुणाल ने 36 रन देकर 4 विकेट लिए थे। जबकि अक्षर तीसरे नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने 17 रन देकर 3 विकेट लिए। जबकि चहल इस मामले में चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने 25 रन देकर 3 विकेट लिए हैं।
आम आदमी पार्टी के बाद माकपा ने भी हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 11 प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। अब केवल शिमला, ऊना, सोलन और कुल्लू के प्रत्याशियों के नाम तय होने हैं। माकपा नेता और ठियोग के विधायक राकेश सिंघा फिर चुनाव मैदान में उतरेंगे। माकपा राज्य कमेटी की बैठक मंडी में 2 अक्तूबर को होगी। अन्य सीटों पर माकपा विधानसभा चुनाव में भाकपा के साथ तालमेल करके चुनाव में जुटेगी। पार्टी के प्रदेश सचिव ओंकार शाद की अध्यक्षता में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को अहम बैठक हुई। माकपा प्रदेश सचिव ओंकार शाद ने बताया कि ठियोग से विधायक राकेश सिंघा, आनी से देवकी नंद, जोगेंद्रनगर से कुशाल भारद्वाज, धर्मपुर मंडी भूपेंद्र सिंह, सराज महेंद्र राणा, हमीरपुर डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर, चंबा नरेंद्र सिंह, पच्छाद आशीष कुमार, कसुम्पटी डॉ. कुलदीप सिंह तंवर और करसोग से किशोरी लाल जुब्बल कोटखाई से विशाल शागटा को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला लिया है। अब शिमला, अर्की और कुल्लू सीटों के लिए माकपा प्रत्याशियों के नाम शीघ्र ही तय होने हैं।
कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने बुधवार को दिल्ली के एम्स में आखिरी सांस ली। 10 अगस्त को जिम में वर्कआउट करने के दौरान राजू श्रीवास्तव को हार्ट अटैक आया था जिसके बाद उन्हें तुरंत दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। जिंदगी और मौत के बीच 42 दिनों की लंबी लड़ाई लड़ने के बाद आज कॉमेडियन का निधन हो गया। बता दें कि हॉस्पिटल में एडमिट करवाने के बाद से ही राजू श्रीवास्तव की हालत नाजुक बनी हई थी। कॉमेडियन को पहले आईसीयू में एडमिट करवाया गया था, लेकिन तबीयत में कोई सुधार ना होने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया। भरपूर कोशिश के बाद भी डॉक्टर्स राजू श्रीवास्तव को बचा नहीं पाए और सबको हंसाने वाले कॉमेडियन सबको रुलाकर हमेशा के लिए इस दुनिया से चले गए।
इस साल का मानसून अब अपने अंतिम चरण में है, लेकिन देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार यानी आज के लिए कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के कई इलाके शामिल हैं। भारत मौसम विभाग के अनुसार आज ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ और तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बारिश के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है। आईएमडी ने दिन के दौरान दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में हल्की बारिश और आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने की भी संभावना जताई है। दिल्ली और एनसीआर में 21, 22 और 23 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंडक बढ़ गई है। मंगलवार को राजधानी शिमला में हलकी बारिश का दौर जारी रहा। वहीं, मनाली व लाहौल की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश से अगले सप्ताह दक्षिण पश्चिम मानसून के विदा होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 26 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान जुब्बड़हट्टी में 48, शिमला 35, पांवटा साहिब और कंडाघाट में 26-26, करसोग 19, पच्छाद 14, बंजार, गोहर, और जंजैहली में 13-13, संगड़ाह व बलद्वारा 12-12, रेणुकाजी 11 और पंडोह में 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं शिमला में न्यूनतम तापमान 15.3, सुंदरनगर 18.6, भुंतर 18.9, कल्पा 10.6, धर्मशाला 19.2, ऊना 23.8, नाहन 22.3, केलांग 9.0, पालमपुर 17.5, सोलन 17.2, मनाली 14.4, कांगड़ा 21.6, मंडी 20.0, बिलासपुर 22.0, हमीरपुर 21.4, चंबा 20.7, डलहौजी 16.4, जुब्बड़हट्टी 17.2, कुफरी 13.9 और पांवटा साहिब में 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर डलहौजी में 21, चंबा 29.5, केलांग 15.2, कांगड़ा 29.6, धर्मशाला 28, पालमपुर 23.6, हमीरपुर 27.6, सुंदरगनर 29.4, ऊना 35, कल्पा 19.8, रिकांगपिओ 22.1, शिमला 22.2 और सोलन में 30 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमानदर्ज किया गया।
हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन भारतीय बाजार में तेजी जारी रही। सेंसेक्स फिर से 60,000 को आंकड़े को पार करने में कामयाब रहा था। हालांकि ऊपरी लेवल से बाजार में गिरावट आ गई। बावजूद इसके आज का कारोबार खत्म होने पर मुंबई स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 578 अंकों की तेजी के साथ 59,719 अंकों पर बंद हुआ है। तो नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 194 अंकों के उछाल के साथ 17,816 अंकों पर क्लोज हुआ है। मंगलवार के ट्रेडिंग सेशन में बैंकिंग सेक्टर, ऑटो, आईटी, फार्मा, एफएमसीजी, मीडिया, ऑयल एंड गैस सेक्टर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एनर्जी, मेटल्स सेक्टर के शेयर में तेजी के साथ बंद हुए। बाजार में आज की तेजी में स्मॉल कैप और मिड कैप इंडेक्स में भी खरीदारी देखी गई. निफ्टी के 50 शेयरों में केवल 44 शेयर हरे निशान में बंद हुए केवल 6 शेयरों में गिरावट रही. सेंसेक्स के 30 शेयरों में केवल 24 शेयर हरे निशान में क्लोज हुआ है बाकी 6 शेयर लाल निशान में बंद हुए। आज के कारोबारी सत्र में सन फार्मा 4.22 फीसदी, डॉ रेड्डी 3.31 फीसदी, टाटा स्टील 2.86 फीसदी, इंडसइंड बैंक 2.77 फीसदी, टाइटन कंपनी 2.10 फीसदी, बजाज फिनसर्व 1.97 फीसदी, एशियन पेंट्स 1.935 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ है। गिरने वाले शेयरों पर नजर डालें तो नेस्ले 0.64 फीसदी, आईटीसी 0.22 फीसदी, इंफोसिस 0.21 फीसदी, पावर ग्रिड 0.15 फीसदी, रिलायंस 0.11 फीसदी, मारुति सुजुकी 0.06 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ है।
हिमाचल सरकार द्वारा विधानसभा में धर्म की स्वतंत्रता संशोधन विधेयक 2022 को पारित किया गया है। लेकिन वहीं धर्म की स्वतंत्रता विधेयक में संशोधन के खिलाफ दलित सड़कों पर उतर आए है। धर्म की स्वतंत्रता विधेयक 2022 में संसोधन के खिलाफ दलित शोषण मुक्ति मंच व प्रदेश भर के दलित संगठनों ने मंगलवार को शिमला में उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त कार्यालय से राजभवन तक रैली निकाली और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर विधेयक को निरस्त करने की मांग उठाई है। इस प्रदर्शन में सीपीआईएम विधायक राकेश सिंघा भी मौजूद रहे। वहीं, शेर-ए-पंजाब से आगे जाने से रोके जाने पर पुलिस के साथ काफी देर तक बहस बाजी भी हुई। दलित शोषण मुक्ति मंच के राज्य संयोजक जगत राम ने कहा कि धर्मान्तरण विरोधी विधेयक 2022 सदन में लाया गया है। यह विधेयक दलित विरोधी हैं। यह दलित समाज पर मनुवादी सोच का हमला हैं। उन्होंने कहा कि यह संवेधानिक स्वतंत्रता के साथ धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला हैं। धर्म परिवर्तन संवेधानिक अधिकार हैं। उन्होंने आगे कहा कि अम्बेडकर ने भी धर्म परिवर्तन किया। संसोधन के बाद इसमें सजा और जुर्माने का प्रावधान किया हैं। कोई एससी अगर धर्म परिवर्तन करता हैं तो उसको आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा। इस विधेयक से हिमाचल के दलित समुदाय पर जबरदस्त हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उसके मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है। क्योंकि इस विधेयक में जो पहले से प्रावधान थे, उन प्रावधानों में और संशोधन कर इसे और कड़ा बनाया गया है। नए प्रावधानों में धर्म परिवर्तन नहीं कर सकते। यदि आप मैरिज दूसरे धर्म के साथ करते हैं और अपना धर्म छिपाते हैं तो उसमें व्यक्ति को 1.50 लाख का जुर्माना व 5 साल की कैद होगी। इसके अलावा अनुसूचित जाति का व्यक्ति यदि धर्म परिवर्तन करता है तो उसको आरक्षण के साथ दूसरा जो लाभ मिलते हैं वो सारे खत्म हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह दलित को गुलाम बनाने की साजिश की जा रही है। जिसका सभी संगठन विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक को निरस्त करने के लिए आज राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया है। वहीं, माकपा विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि हिमाचल के अंदर दलितों के अधिकारों का हनन हो रहा है। दलित नेता जिदान की हत्या बेरहमी से कर दी गई थी, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
राजधानी शिमला के होटल में ठहरे एक पर्यटक ने हवा में फायर कर दी। बीती रात को पेश आई इस घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है। इस घटना के बाद आरोपी ने खुद को होटल के कमरे में बंद कर दिया और वेटर को भी जान से मारने की धमकी दे डाली। वहीं पुलिस ने होटल मालिक के शिकायत के आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। क्यू कैफे के मालिक मुकेश मल्होत्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके होटल में रुके एक टूरिस्ट ने रात में होटल में अपनी पिस्टल से दो राउंड फायरिंग की और खुद को पिस्टल के साथ कमरे में बंद कर लिया। आरोपी का नाम विश्वनाथ बताया गया है।शिकायतकर्ता का कहना है कि बीती आधी रात 2 बजे विश्वनाथ ने वेटर केदार सिंह से खाने-पीने का सामान लाने को कहा। जिस पर वेटर केदार सिंह ने उस समय ये चीजें लाने से मना कर दिया। वेटर के मना करने के बाद विश्वनाथ ने अपने हथियार से दो राउंड हवा में फायरिंग की और केदार को जान से मारने की धमकी दी। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार का जानी नुक्सान नहीं हुआ हैं। शिकायत पर छोटा शिमला थाने में आईपीसी की धारा 336,506 और 25 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और जल्द उसकी गिरफ्तारी हो सकती है। मामले की जांच एसएचओ विकास शर्मा कर रहे हैं।
चंडीगढ़ वीडिओ लीक मामले को लेकर मचा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। जाँच के दौरान इस मामले में नए खुलासे हुए है। पुलिस ने छात्रा के मोबाइल से एक दर्जन से ज्यादा वीडियो रिकवर कर लिए है, लेकिन वह सभी वीडियो आरोपी छात्रा के खुद के है। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों यानी छात्रा उसका बॉयफ्रेंड सनी मेहता और उसका दोस्त रंजक वर्मा से शुरुआती पूछताछ में कई तथ्य हाथ लगे हैं। पुलिस ने व्हाट्सएप चेट ट्रांसक्रिप्शन भी हासिल की है। इसके मुताबिक छात्रा एक और फोन नंबर पर किसी अन्य लड़के मोहित से बात करती थी। वह उसे फोटो और वीडियो डिलीट करने के लिए कह रहा था। वही आरोपियों के वकील और पुलिस ने छात्रा के मोबाइल फोन में एक अन्य छात्रा की फोटो होने की बात कही है। हालाँकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। गौरतलब है कि एमबीए की छात्रा गर्ल्स हॉस्टल में अन्य लड़कियों के नहाते हुए वीडियो बनाती थी। फिर वह उसे अपने दोस्तों के पास भेजती थी। लड़की का कहना है कि वह सारे काम लड़कों के कहने पर करती थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी सनी मेहता और उसका दोस्त रंजक वर्मा छात्रा को ब्लैकमेल कर रहे थे कि वह उसकी प्राइवेट वीडियो वायरल कर देंगे। यह वीडियो खुद एमबीए स्टूडेंट ने सनी मेहता के कहने पर उसे भेजा था। दोनों आरोपी एमबीए स्टूडेंट पर दबाव डाल रहे थे कि वह अन्य लड़कियों के वीडियो बनाकर उन्हें भेजें नहीं तो वे उसका वीडियो वायरल कर देंगे। बता दें कि इस मामले में सबसे पहले एमबीए स्टूडेंट को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसके कथित बॉयफ्रेंड को शिमला से गिरफ्तार किया गया। वहीं रविवार शाम को तीसरे आरोपी को भी हिमाचल से ही गिरफ्तार किया गया। पंजाब पुलिस ने तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में छात्राओं की शिकायत पर मामले की जांच के लिए तीन सदस्यों की एसआईटी का गठन किया है। इसमें तीनों महिला अधिकारी है। वहीं तीनो आरोपियों को 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड के सासंद राहुल गांधी इन दिनों कन्याकुमारी से कश्मीर तक ''भारत जोड़ो यात्रा'' निकाल रहें हैं। इस बीच राहुल गांधी ने गुजरात के लिए वादों का पिटारा खोल दिया। उन्होंने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद अगर उनकी पार्टी की सरकार बनी तो राजस्थान और छत्तीसगढ़ की तरह इस प्रदेश में भी पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल की जाएगी। राहुल गांधी ने यह आरोप भी लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने पुरानी पेंशन खत्म कर बुजुर्गों को 'आत्मनिर्भर' से ‘निर्भर’ बना दिया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'पुरानी पेंशन खत्म कर, बीजेपी ने बुजुर्गों को आत्मनिर्भर से निर्भर बना दिया। देश को मजबूत करने वाले सरकारी कर्मचारियों का हक है पुरानी पेंशन।' कांग्रेस नेता ने कहा, 'हमने राजस्थान, छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन को बहाल किया है और अगर गुजरात में भी कांग्रेस की सरकार आएगी तो पुरानी पेंशन लाएगी।' इससे पहले राहुल गांधी ने पांच सितंबर को गुजरात में अपनी पार्टी के प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए कई वादे किये थे। उन्होंने कांग्रेस के सत्ता में आने पर राज्य के किसानों को मुफ्त बिजली देने, 10 लाख नई नौकरियां सृजित करने और 500 रुपये में एलपीजी (रसोई गैस) सिलेंडर देने का वादा भी किया था। राहुल गांधी ने आम उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली की आपूर्ति करने, अंग्रेजी माध्यम के 3000 स्कूल बनाने और लड़कियों के लिए मुफ्त शिक्षा प्रदान करने का भी वादा किया था. बता दें कि गुजरात में इस साल नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।
हैदराबाद में इंडिगो एयरलाइंस ने एक महिला यात्री की सीट केवल इसलिए बदल दी क्योंकि उसको हिंदी-अंग्रेजी दोनों भाषा नहीं आती थी। इस घटना की जानकारी उनकी एक सहयात्री देवस्मिता चक्रवती ने ट्वीट कर दिया। उन्होंने कहा, 'हिंदी भाषा नहीं जानने वाली महिला को उसी के राज्य में द्वतीय श्रेणी का नागरिक माना जा रहा है।' वहीं, इस मामले के सामने आने के बाद तेलंगाना के सूचना प्रौद्योगिकी एवं उद्योग मंत्री के टी राम राव ने तेलुगु भाषी एक महिला यात्री को सीट छोड़ने के लिए मजबूर करने पर इंडिगो एअरलाइंस से स्थानीय भाषाओं का सम्मान करने को कहा है। दरअसल, तेलुगु भाषी एक यात्री को अपनी सीट खाली करने के लिए कहा गया क्योंकि वो अंग्रेजी-हिंदी भाषा में बतायी सुरक्षा प्रक्रियाओं को समझ नहीं पायी।
भारत में कोरोना के मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसी क्रम में भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 4 हजार 858 नए मामले दर्ज हुए है। देश में संक्रमितों की कुल संख्या 4 करोड़ 45 लाख 39 हजार हो गई, जबकि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 39 लाख 62 हजार हो गई है। वही दूसरी ओर कोरोना के टीके लगवाने की संख्या में 13 लाख 59 हजार 361 का इजाफा हुआ है। जो बढ़कर 216 करोड़ 70 लाख 14 हजार 127 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार की सुबह आठ बजे जारी नये आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना से 18 लोगों की और मौत होने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 5 लाख 28 हजार 337 से 5 लाख 28 हजार 355 हो गई है।दरअसल, इन 18 मामलों में आठ लोग वो भी शामिल हैं, जिसका नाम कोरोना से हुई मौतों के आंकड़ों का दोबारा मिलान करते हुए केरल ने जान गंवाने वालों के मरीजों की सूची में जोड़े हैं। नए आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे का संक्रमण दर 2.76 प्रतिशत है, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 1.78 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,39,62,664 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 216.70 करोड़ खुराक दी जा चुकी है। देश में पिछले 7 अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।
देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में मानसून एक बार फिर एक्टिव होते दिख रहा है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में मौसम बदलते दिख रहा है। दिल्ली में भी आज से 25 सितंबर तक लोगों को गर्मी से राहत मिलते दिखेगी। राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग के मुताबिक एक ओर जहां आज बादल छाए रहेंगे वहीं कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री तो वहीं न्यूनतम 24 डिग्री तक रह सकता है। मौसम विभाग के मुतिबाक, दिल्ली में कल से पूरे हफ्ते बारिश होने की संभावना बनी हुई है साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मोहाली एमएमस कांड को लेकर चंडीगढ़ से शिमला तक हंगामा मचा गया है। इस मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई। पहली उस लड़की की जिस पर आरोप लगा वीडियो बनाने का, इसके अलावा दो लड़कों को भी गिरफ्तार किया गया है जो इस मामले में इस लड़की के साथ शामिल थे। मामले को लेकर विवाद इतना बढ़ गया था कि छात्रों ने दो दिनों तक लगातार प्रदर्शन किया, जो अब खत्म होता दिख रहा है। देर रात आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने धरना खत्म कर दिया है। वहीं छात्रों ने पुलिस प्रशासन और यूनिवर्सिटी प्रशासन के सामने रखीं कि जांच अधिकारी 10 सदस्यीय छात्रों की एक समिति को मामले की हर लेटेस्ट अपडेट दे, जिस हॉस्टल में ये घटना घटी है उस हॉस्टल के वार्डन को निलंबित किया जाए, लड़कियों के हॉस्टल की जांच की जाए, प्रदर्शन के दौरान टूटे छात्रों के मोबाइल फोन के बदले नए फोन दिए जाएं, यूनिवर्सिटी ने इस बात का आश्वासन दिया है कि छात्रों को नए फोन दिए जाएंगे। साथ ही गर्ल्स हॉस्टल वॉशरूम के दरवाजे बदल दिए जाएं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि छात्रों की मांगों को पूरा किया जाएगा, इसके बाद ही प्रदर्शन खत्म होगा। गौरतलब है कि चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में संबंधित अधिकारियों के आश्वासन के बाद रविवार की रात और सोमवार तड़के 1 बजकर 30 मिनट पर धरना खत्म हुआ। यूनिवर्सिटी 24 सितंबर तक बंद रहेगी। मोहाली के उपायुक्त अमित तलवार ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए है और मामले में एक विशेष जांच दल भी गठित किया था। कई लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो लीक होने का आरोप लगने के बाद रविवार तड़के करीब ढाई बजे आंदोलन शुरू हुआ। बाद में, पुलिस और विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया कि इस मामले में सिर्फ एक वीडियो सामने आया है जो खुद आरोपी छात्रा का है, इस वीडियो को उसने अपने जानने वाले लड़के को शिमला में भेजा था।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला मण्डी की करसोग विधानसभा क्षेत्र के करसोग में क्षेत्र के लिए लागभग 90 करोड़ रुपये की 33 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। ‘प्रगतिशील हिमाचलः स्थापना के 75 वर्ष’ कार्यक्रम के तहत आज मंडी जिले के करसोग विधानसभा क्षेत्र के करसोग में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पंागणा में डिग्री कॉलेज खोलने, डिग्री कॉलेज करसोग में एमए इतिहास और एमएससी की कक्षाएं आरम्भ करने की घोषणा की। उन्होंने धार में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने, पशु औषधालय तत्तापानी को पशु चिकित्सा अस्पताल में स्तरोन्नत करने, अशला में उप तहसील खोलने, शंश और पोखी में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने और खान्योल बगड़ा में वन निरीक्षण कुटीर के निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक कठिन दौर से गुजर रही है क्योंकि एक तरफ कांग्रेस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ आयोजित कर रही है, वहीं दूसरी ओर गोवा के कांग्रेस विधायक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, हिमाचल कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पवन काजल और मौजूदा विधायक लखविंदर राणा ने ‘कांग्रेस छोड़ो’ अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता राम लाल ठाकुर ने भी कांग्रेस नेतृत्व पर भाई-भतीजावाद और अपनी-अपनी दावेदारी के आरोप लगाते हुए पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी गेहूं के आटे को भी लीटर में मापते हैं, जो आम आदमी के मुद्दों के प्रति उनकी अज्ञानता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के गठन के समय यहां की जनसंख्या केवल 11 लाख थी, जो आज 70 लाख से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश का क्षेत्रफल 25,839 वर्ग किलोमीटर था जबकि आज राज्य का कुल क्षेत्रफल 55,763 वर्ग किलोमीटर है। उन्होंने कहा कि गठन के समय प्रदेश की साक्षरता दर केवल 4.8 प्रतिशत थी, जो आज 83 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने कहा कि राज्य ने स्वास्थ्य, शिक्षा, बागवानी, पर्यटन और संबद्ध क्षेत्रों में निरंतर प्रगति की है। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने तहसील करसोग की ग्राम पंचायत शाहोट और मेहंदी में चेरा खड्ड से धमून तक 3.43 करोड़ रुपये की उठाऊ जलापूर्ति योजना, 1.38 करोड़ रुपये की लागत से ईमला-बिमला खड्ड के तट्टीयकरण, 5.05 करोड़ रुपये की लागत से सरोटा-कलाशन जलापूर्ति योजना के जीर्णोद्धार कार्य, 93 लाख रुपये के व्यय से ग्राम पंचायत सेरी में जुआ-पोगली-सेरी जलापूर्ति योजना के जीर्णोद्धार कार्य, 25 करोड़ रुपये से सरौर खड्ड चुराग और तत्तापानी क्षेत्र के लिए उठाऊ जलापूर्ति योजना, माहुनाग की बस्तियों के लिए 3.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ जलापूर्ति योजना, कण्डा-टकरोल में 54 लाख रुपये की जलापूर्ति योजना, बिथारी खड्ड से पांगणा के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जलापूर्ति योजना, खील में 24 लाख रुपये से निर्मित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा चुराग में 81 लाख रुपये के व्यय से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के भवन का उद्घाटन किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने करसोग में 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बस अड्डा, बगशाड़ में 78 लाख रुपये से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, 2.59 करोड़ रुपये से निर्मित तुमन पुल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तत्तापानी में 89 लाख रुपये से निर्मित विज्ञान प्रयोगशााला भवन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सेरी बंगलो में 96 लाख रुपये से निर्मित विज्ञान प्रयोगशाला, नागरिक चिकित्सालय करसोग में 82 लाख रुपये के पीएसए प्लांट, विकास खण्ड कार्यालय में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग का 44 लाख रुपये का समिति हाल तथा 31 लाख रुपये से निर्मित प्लांट हैल्थ क्लीनिक पंागणा के भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने पशु औषधालय आशला को पशु चिकित्सालय में, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अशला को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा स्वास्थ्य केन्द्र खन्योल बगड़ा को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खन्योल बगड़ा में स्तरोन्नत करने के उपरान्त इसका शुभारम्भ भी किया। जय राम ठाकुर ने केलोधार में 3.93 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं के माध्यम से नल कनेक्शन प्रदान करने, लोअर करसोग सनाना, मैंढ़ी और भनेड़ा ग्राम पंचायतों में 3.25 करोड़ रुपये से नल कनेक्शन प्रदान करने, 13.40 करोड़ रुपये से करसोग और समीप के क्षेत्रों में जलापूर्ति योजना के सुधारीकरण कार्य, ग्राम पंचायत सनारली और दछैन में सनारली गांव के लिए 2.03 करोड़ रुपये की जलापूर्ति योजना, ग्राम पंचायत शाकरा के शाकरा गांव के लिए सतलुज नदी से 82 लाख रुपये उठाऊ जलापूर्ति योजना, ग्राम पंचायत मैंढी के गरियाला में 1.47 करोड़ रुपये से पपरोल खड्ड के स्रोत सुदृढ़ीकरण कार्य, काओ खड्ड से डबरोट, भनेड़ा के लिए 83 लाख रुपये की उठाऊ जलापूर्ति योजना, 7.34 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले पुलिस थाना करसोग, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तेबन में 1.38 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाली विज्ञान प्रयोगशाला, करसोग में 55 लाख रुपये से निर्मित होने वाले जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियन्ता के आवास, ग्राम पंचायत सनारली में 88 लाख रुपये की बहाव सिंचाई योजना सनारली तथा करसोग में 20 लाख रुपये से निर्मित होने वाले प्रेस क्लब की आधाशिला रखी।
इस हफ्ते सोने-चांदी के दाम में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इस पूरे हफ्ते में सोने के दाम में पूरे 1522 रुपये की कमी देखी गई है। चांदी की अगर बात करें तो इसके दाम में भी 793 रुपये की कमी देखी गई है। सोने के दाम में गिरावट का सबसे बड़ा कारण यह है कि भारत से लेकर विदेशी मार्केट में गोल्ड की कीमतों पर दबाव देखने को मिल रहा है। ऐसे में इसका सीधा असर सोने के रेट पर दिख रहा है। इस हफ्ते 24 कैरेट सोने का प्राइस 49,341 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं हफ्ते की शुरुआत में सोने का प्राइस 50,863 प्रति 10 ग्राम था। अगर इस पूरे कारोबारी हफ्ते में चांदी के रेट की बात करें तो यह 55,937 प्रति किलो से घटकर 55,144 प्रति किलो तक पहुंच गया है।
हिमाचल प्रदेश कैडर, भारतीय प्रशासनिक सेवा 2021 बैच के तीन परिविक्षाधीन अधिकारियों, हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा तथा हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सम्बद्ध सेवा 2022 बैच के 14 परिविक्षाधीन अधिकारियों ने आज ओक ओवर, शिमला में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से भेंट की। यह अधिकारी हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान (हिप्पा) से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इन अधिकारियों से बातचीत के दौरान आशा व्यक्त की कि वह राज्य के लोगों के कल्याण के लिए समर्पण और प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से ईमानदार छवि, विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों के दक्षतापूर्ण कार्यान्वयन, नवोन्मेष पहल सहित अनेक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने युवा अधिकारियों से नए जोश के साथ राज्य की सेवा करने का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान के निदेशक ऋग्वेद ठाकुर और अतिरिक्त निदेशक ज्योति राणा उपस्थित थे।
गुजरात का मुंद्रा पोर्ट आए दिन विवादों में रहता है। मुंद्रा पोर्ट पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अभी कुछ दिन पहले ही मुंद्रा बंदरगाह से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया था। वहीं अब एक बार फिर डीआरआई की टीम ने संयुक्त अभियान में 48 करोड़ रुपये की ई-सिगरेट जब्त की है। दरअसल, चीन से मुंद्रा बंदरगाह पहुंचे दो कंटेनरों की डीआरआई टीम ने जांच की, जिसमें 48 करोड़ रुपये की ई-सिगरेट मिली। बताया गया कि चीन से आए दो संदिग्ध कंटेनरों की जांच करने वाली डीआरआई टीम को एक कंटेनर में ई-सिगरेट की 2 लाख 400 छड़ें मिली। बता दें कि भारत में ई-सिगरेट पर बैन है। हालांकि, चीन से भारत में ई-सिगरेट की सप्लाई की जा रही है। भारत में भले ही ई-सिगरेट पर बैन लगा हो, लेकिन अच्छे ऑर्डर मिल रहे हैं। अब एक बार फिर सूरत में डीआरआई की छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित ई-सिगरेट बरामद हुई है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को फिर दोहराया कि उनकी इच्छा है कि राहुल गांधी कांग्रेस की कमान संभालें। गहलोत की इस बात का पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और अन्य प्रतिनिधियों ने हाथ उठाकर समर्थन किया। गहलोत यहां राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों (डेलिगेट्स) की बैठक को संबोधित कर रहे थे। पार्टी के प्रवक्ता के अनुसार, ‘‘मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि उनकी भावना यह है कि राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष बनकर पार्टी की कमान संभालें जिस पर प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने उनका समर्थन किया तथा उपस्थित सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने समर्थन में हाथ उठाए। ’’इससे पहले राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों (डेलिगेट्स) की बैठक में पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष व राजस्थान से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के प्रतिनिधि चुनने का अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को देने का प्रस्ताव पारित किया गया।
भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 5,664 नए मामले सामने आए जिससे देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,45,34,188 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या 46,848 से बढ़कर 47,922 पर पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 35 और लोगों के दम तोड़ने से मृतक संख्या बढ़कर 5,28,337 हो गई। इनमें संक्रमण से मौत की पुष्टि के बाद केरल में दर्ज किए गए 21 मामले भी शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कुल मामलों का 0.11 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 से ठीक होने वालों की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.71 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटे की अवधि में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,074 की वृद्धि दर्ज की गई।
पंजाब स्थित मोहाली में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में छात्राओं का कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के मामले में एसएसपी मोहाली ने बड़ा दावा किया ह। उन्होंने कहा है कि अभी तक सिर्फ एक ही वीडियो सामने आया है जो आरोपी का ही है। इसके अलावा और कोई वीडियो अभी तक की जांच में सामने नहीं आया है। SSP विवेक शील सोनी ने एक प्रेस वार्ता में कहा- इस मामले में कहा जा रहा है कि वायरल वीडियो के अलावा और भी कुछ वीडियो बनाए गए हैं, ये बात सरासर गलत है। हमारी जांच में ऐसा कोई दूसरा वीडियो सामने नहीं आया है। हमारी तरफ से FIR दर्ज़ कर ली गई है, एक छात्रा को हमने गिरफ़्तार भी कर लिया है। SSP ने कहा- अब हम मामले में विस्तृत जांच कर रहे हैं। हमारे पास जो भी जानकारी और वीडियो है उसकी फॉरेंसिक जांच करवा रहे है।
नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकारी तंत्र के बलबूते न सरकार बनती है और न ही रिवाज बदलता है। जैसे ही जयराम के साथ सरकारी तंत्र कटेगा, यह सरकार ताश के पत्तों की तरह बिखर जाएगी। शनिवार को जारी बयान में नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार ने अंतिम 60 वें माह में झूठी घोषणाएं, फर्जीवाड़ा व झांसे बाजी के वोटों की जो बिसात बिछाने का प्रयास कर रही है, जयराम समझ लें कि उससे रिवाज नहीं बदला करते। मुकेश ने कहा कि प्रदेश में सत्ता बदलना तय है, जनता ने इसके लिए मन बना लिया है। बाहरी ताकतें प्रदेश में आकर जयराम से लिए संजीवनी नहीं बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस समय सरकारी कोष लूटाकर रैलियों का जो सिलसिला चलाए हुए हैं, इसमें भीड़ व तंत्र दोनों सरकारी है और घोषणाएं फर्जी हैं। मुकेश ने कहा कि अब सरकार की पिटारी खाली है और झांसी बाजी ही एक मात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी अब इस सरकार से मांगना बंद दें, क्योंकि जयराम सरकार से अब कोई उम्मीद नहीं है। अग्निहोत्री ने कहा कि ओपीएस बहाली कांग्रेस का संकल्प है और सत्ता में आते ही इसे हर हालत में कांग्रेस देगी। उन्होंने कहा कि निगमों व बोर्डो में भी पेंशन लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों पेंशनरों की एक-एक पाई का भुगतान किया जाएगा। विभिन्न कर्मचारी वर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि अब वे खुलकर कांग्रेस का साथ दें। जो भी कर्मचारियों को डरा व धमका रहा है, उसे बेनकाब किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी 10-15 दिन की छुट्टी पर चले जाएं। आचार संहिता लगने वाली है, कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। कांग्रेस कर्मचारियों के हितों की रक्षा करेगी। मुकेश ने कहा कि पुलिस कर्मियों पर दो वर्ष का फार्मूला लगाकर भर्ती कर नियमित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि होमगार्ड को 12 माह काम दिया जाएगा। दमकल विभाग की वेतन विसंगतियों को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास व योजनाओं में कर्मचारियों व अधिकारियों को अहम योगदान रहा है। कांग्रेस सरकार बनने पर मधुर संबंध बनाकर आगे बढ़ेगी। मुकेश ने कहा कि आउटसोर्स से बिचौलियों को हटाया जाएगा और नीतिगत ढंग से आउटसोर्स का मसला हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि करूणामूलक भर्तियां एकमुश्त हल कर दी जाएगी। मुकेश ने कहा कि जयराम सरकार ने नौकरियों में युवाओं के साथ बेईमानी की है। ये सरकार युवाओं से किए धोखे से धराशायी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि फर्जी भर्तियों की सत्ता में आने पर कांग्रेस जांच करेगी। बॉर्डर पर बढ़े सुरक्षा, हथियार हो जमा मुकेश ने कहा कि जिला ऊना में लगातार कानून व्यवस्था बिगड़ रही है। बड़े पैमाने पर गड़बड़ी होने की आशंका लग रही है। एक शूटआऊट ने ये संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि मेरी मांग है कि जिला के सभी बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ाई जाए और टिप्परों की बाहरी प्रदेशों में आवाजाही बंद हो। जिला प्रशासन सभी हथियारों को जमा करवा। पुलिस के अलावा किसी के पास हथियार न हो। समय रहते ये कदम उठाए जाने चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 72वें जन्मदिन को देश में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा समाज सेवा के रूप में मनाया जा रहा है। राजधानी शिमला में भी इस दौरान रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर युवा भारत संस्था और भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित किया गया है। इस शिविर में कार्यकर्ताओं के साथ-साथ शहरवासियों ने भी रक्तदान कर अपना सहयोग दिया। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर यह एक दिवसीय रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में आईजीएमसी के डॉक्टरों की टीम ने रक्तदान करने वाले लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और पूरी तरह से स्वस्थ व्यक्ति का ब्लड लिया। डाक्टरों से मिली जानकारी के मुताबिक एकत्रित बल्ड को IGMC हॉस्पिटल भेजा जाएगा और ज़रुरतमंद लोगों के लिए प्रयोग में लाया जाएगा। भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के संयोजक सुनील ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि इस रक्तदान शिविर का सिर्फ एक ही उद्देश्य है कि हमारे छोटे से प्रयास से किसी का बहुमूल्य जीवन बच पाए। उन्होंने कहा कि हम अपने स्वार्थ के लिए बहुत से ऐसे काम करते हैं जिनके कोई मायने नहीं होते लेकिन कभी- कभी किसी की निस्वार्थ रूप से सेवा करना हमारे अन्तर्मन को खुशी देता है। जो मुस्कान किसी को खुशी देने से मिलती है उसका महत्व सबसे बडा होता है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को इस रूप में मनाया जा रहा है जिससे ज़रुरतमंद लोग उन्हें दिल से दुआएं देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिवस पर भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ शुभकामनाएं देता है।
देश की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट पर बिग बिलियन डेज सेल 23 सितंबर से शुरू होने जा रही है। बता दे कि इस सेल में स्मार्टफोन बनाने वाली पोको, ओप्पो और मोटोरोला, रेडमी, वीवो जैसी कंपनियों के डिवाइस से जुड़े ऑफर्स की घोषणा कर दी है। इस सेल की खास बात है कि आप 1 रुपये की टोकन राशि का भुगतान करके कई कैटेगरी जैसे इलेक्ट्रॉनिक्स, होम, ब्यूटी के प्रोडक्ट्स को प्री-बुक भी कर सकते हैं। इस सेल में फ्लिपकार्ट ने अपने कुछ ऑफर्स का खुलासा कर दिया है। हालाँकि ये ऑफर्स Oppo, Poco, Motorola और Infinix के फोन पर दिए जा रहे हैं। सेल के दौरान Poco F4 5G स्मार्टफोन को आप 32,999 रुपये के बजाय 21,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर मिल जाएगा. वहीं, Poco X4 Pro 5G की कीमत 22,999 रुपये के बजाय 13,999 रुपये से शुरू होगी। Poco M4 5G की कीमत 15,999 रुपये के बजाय 9,749 रुपये से शुरू मिलेगा और इसका प्रो मॉडल 16,999 रुपये के बजाय 11,499 रुपये से शुरू होगा।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर हिमाचल भाजपा ने सभी लोकसभा हलकों से 68 विधानसभा क्षेत्रों के लिए एलईडी वैन को रवाना किया। शिमला से भी हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने 17 एलईडी वेन को हरी झंडी दिखाई। यह शिमला संसदीय क्षेत्र में जाकर केंद्र सरकार और हिमाचल प्रदेश सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का काम करेगी। इसके अलावा इन वाहनों में आम जनता हिमाचल भाजपा की ओर से तैयार किए जा रहे दृष्टि पत्र के लिए भी अपने सुझाव भेज सकेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उन्हें बधाई दी। साथ ही उन्होंने कहा कि आज इस मौके पर सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों के लिए एलईडी वेन को रवाना किया गया है। यह वेन आम जनता तक सरकार की योजनाएं पहुंचाने का काम करेगी, साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस बार हिमाचल प्रदेश में रिवाज बदलने जा रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार ने आम जनता को लाभ पहुंचाने का काम किया है। ऐसे में जनता ने इस बार रिवाज बदलकर सरकार रिपीट करने का मन बना लिया है। वहीं, बेरोजगारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेरोजगारी का सवाल तो उठाती है, लेकिन इतने साल तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस बेरोजगारी खत्म नहीं कर सकी। यह कांग्रेस के कार्यकाल में भी रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने कोशिश की है कि युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार के साधन सृजित किए जाएं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामलाल ठाकुर के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने पर कहा कि आज कांग्रेस की हालत बेहद खराब है। वरिष्ठ नेता कांग्रेस की वास्तविकता को जनता के सामने जाहिर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कई बड़े नेता पार्टी छोड़ कर जा चुके हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह दु:ख का विषय है कि इतने वरिष्ठ नेता को प्रेस कांफ्रेंस में अपना दुख बयां करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में हर तीसरा नेता मुख्यमंत्री बनना चाहता है, यह खुद वरिष्ठ नेता रामलाल ठाकुर ने जनता के सामने कहा है। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि जहां एक ओर कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा में लगी हुई है। वहीं, कांग्रेस के नेता पार्टी से टूट रहे हैं। यह भाजपा के लिए सुनहरा अवसर हैं।
देश में कार बनाने वाली सबसे दिग्गज कंपनी टाटा मोटर्स (Tata Motors) अपने चाहने वालो के लिए सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार लेकर आ रही है। भारतीय कार बाजार के लिए टाटा अपनी इलेक्ट्रिक पेशकश Tiago EV के नाम से कार मार्केट में उतारने जा रही है। इससे पहले भी टाटा की कई कारों को लोग पसंद करते है, इसकी बाजार में भारी डिमांड हमेशा बनी रहती है। इस वाहन निर्माता कंपनी ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि नई Tata Tiago EV 28 सितंबर, को भारत में अपनी ग्लोबल डेब्यू करेगी। बताया जा रहा है कि लॉन्च होने के बाद यह इलेक्ट्रिक कार देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार होगी। बात दें कि Tigor EV के स्पेसिफिकेशंस के बारे में देखें तो इस कार में Tata की एडवांस्ड Ziptron टेक्नोलॉजी होगी। जो परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल करती है। यह पावरट्रेन 74 बीएचपी, 170 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। वही यह कार 5.7 सेकंड में 0 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसमें 26 kWh लिथियम-आयन बैटरी पैक मिलता है। सिंगल चार्ज में यह कार 302 किमी की ARAI-सर्टिफाइड दूरी तय कर सकती है। आने वाली नई टाटा Tiago ईवी में समान पावरट्रेन मिलने मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों का मंत्रालय स्वच्छ भारत मिशन के आठ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आज से 15-दिवसीय अभियान शुरू करेगा। ‘स्वच्छ अमृत महोत्सव’ नागरिकों को कचरा मुक्त शहरों के निर्माण की दिशा में कदम उठाने के लिए प्रेरित करने पर ध्यान केंद्रित करेगा। इसकी शुरुआत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर होगी। आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट किया, “इस साल गांधी जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी स्वच्छ भारत मिशन के आठ साल सफलतापूर्वक पूरे होने के मद्देनजर आवास एवं शहरी मामलों का मंत्रालय हमारे शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए 17 सितंबर 2022 से एक पखवाड़े लंबे अभियान ‘स्वच्छ अमृत महोत्सव’ की शुरुआत करेगा।” एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा, जब ‘स्वच्छ अमृत महोत्सव’ युवाओं के नेतृत्व वाली एक प्रतियोगिता ‘इंडियन स्वच्छता लीग’ के रूप में शुरू होगा।
देश के कई राज्यों में बारिशऔर बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश से लोग बेहाल हैं। आज भी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी मध्यम से भारी बारिश की संभवना जताई गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, दक्षिण गुजरात, विदर्भ के कुछ हिस्सों में बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 17 सितंबर को यानी आज बादल छाए रहेंगे। दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में आज भी हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली-एनएनसीआर में दो दिन से हो रही बारिश से गर्मी कम हुई है। 16 सितंबर महीने का सबसे ठंडा दिन रहा है। इस दौरान औसत तापमान करीब 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में 17 से 22 सितंबर तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, तापमान में कुछ कमी दर्ज की जा सकती है. आज न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 72वां जन्मदिन मना रहे हैं। पीएम मोदी के जन्मदिन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने काफी तैयारियां की हैं। देशभर में अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी के साथ जन्मदिन के मौके पर पीएम मोदी को बधाई देने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। पक्ष और विपक्ष के नेता प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, "देश के सर्वप्रिय नेता व हम सभी के प्रेरणास्त्रोत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देता हूं। ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।" देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने पीएम मोदी की जन्मदिन की बधाई देते हुए ट्वीट कर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि आप के द्वारा अतुलनीय परिश्रम, कर्तव्यनिष्ठा और सृजनशीलता के साथ किया जा रहा राष्ट्रनिर्माण का अभियान, आप के नेतृत्व में आगे बढ़ता रहे। मेरी शुभेच्छा है कि ईश्वर आपको स्वस्थ और दीर्घायु बनाए।" वहीं कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा," पीएम नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई।"
भारत में 70 साल बाद एक बार फिर चीतों की वापसी हो रही है। 1952 में चीतों को विलुप्त घोषित कर दिया गया था। अब दोबारा से देश में चीतों को बसाने की तैयारी है। इसके लिए नामीबिया से 8 चीते भारत मंगवाए गए हैं, जिन्हें आज पीएम मोदी अपने जन्मदिन के मौके पर कुनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़ेंगे। इन चीतों को सुबह करीब 10.45 पर विशेष बाड़ों में छोड़ा जाएगा। नामीबिया से आठ चीतों को लाने वाला विशेष मालवाहक विमान आज राजस्थान के जयपुर के बजाय अब मध्य प्रदेश के ग्वालियर में उतरेगा। 5 मादा और 3 नर चीतों को नामीबिया की राजधानी विंडहोक से विशेष मालवाहक विमान बोइंग 747-400 के जरिये ग्वालियर हवाई अड्डे पर लाया जाएगा। ग्वालियर से चीतों को भारतीय वायु सेना के चिनूक हेलीकॉप्टर के जरिये केएनपी हेलीपैड पर उतारा जाएगा। केएनपी लाए जा रहे चीतों में से 5 मादा की उम्र 2 से 5 साल के बीच, जबकि नर चीतों की आयु 4.5 साल से 5.5 साल के बीच है। 1952 में चीते को भारत में विलुप्त घोषित किया गया था।
भारतीय शेयर बाजार ने आज सुबह के निचले स्तरों से बढ़िया रिकवरी दिखाई है और सेंसेक्स फिर से 60,000 के ऊपर बंद हुआ है। वहीं निफ्टी ने भी 18,000 का स्तर पार करके आज का बंद दिखाया है। बाजार में कारोबार बंद होते समय भी लाल निशान बना हुआ है पर लगभग सारी गिरावट कवर कर चुका है। शेयर बाजार ने आज इंट्राडे में सारी गिरावट को पार करते हुए निचले स्तरों से शानदार बढ़त दिखाई। आईटी, ऑटो, रियलटी शेयरों में बिकवाली का दौर बना रहा और बैंकिंग के साथ मेटल शेयरों की तेजी ने बाजार को संभालने में मदद की। निफ्टी बैंक 500 अंकों से ज्यादा की उछाल के साथ बंद होने में कामयाब रहा है। आज के कारोबार में बीएसई का सेंसेक्स 224.11 अंक यानी 0.37 फीसदी की गिरावट के बाद 60,346 पर बंद हुआ है। वहीं एनएसई का निफ्टी 66.30 अंक यानी 0.37 फीसदी की गिरावट के बाद 18,003 पर जाकर बंद हो पाया है।
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू यूनाइटेड किंगडम जाएंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 17-19 सितंबर 2022 को भारत सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए लंदन जाएंगी। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। महारानी का अंतिम संस्कार 19 सितंबर को वेस्टमिंस्टर एब्बे में होगा। विदेश मंत्री एस. जयशंकर 12 सितंबर को यहां ब्रिटिश उच्चायोग गए और भारत की ओर से संवेदना जताई थी। महारानी के निधन पर भारत ने रविवार को एक दिन का राष्ट्रीय शोक भी घोषित किया था। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के 70 साल के शासनकाल में, भारत और ब्रिटेन के संबंध काफी विकसित और प्रगाढ़ हुए हैं। राष्ट्रमंडल के प्रमुख के रूप में उन्होंने दुनिया भर के लाखों लोगों के कल्याण के लिए अहम भूमिका निभाई।
गुजरात के अहमदाबाद में एक बेहद ही दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां गुजरात विश्वविद्यालय के पास एक बिल्डिंग में सातवीं मंजिल से लिफ्ट गिर गई जिसमें 7 मजदूरों की मौत हो गई है और दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। ये घटना एस्पायर-2 नाम की इमारत में हुई है। इस बिल्डिंग में बैरिकेडिंग का काम चल रहा था। गंभीर रूप से घायलों को अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही घटनास्थल पर पुलिस प्रशासन के साथ-साथ अहमदाबाद फायर ब्रिगेड के कर्मी भी पहुंच गए हैं। राहत और बचाव का काम जारी है। बताया जा रहा है कि ये घटना उस वक्त हुई जब एस्पायर-2 नाम की बिल्डिंग में निर्माण का काम हो रहा था। इस घटना में घायल एक मजदूर की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। इस मामले पर चीफ फायर ऑफिसर जायेश खाड़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि लिफ्ट गिरने से 7 मजदूरों की मौत हो गई है।
देशभर में 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने कहा है कि उन्हें हिंदी आकर्षित करती है। उन्होंने आज सुबह ट्वीट कर कहा,‘हिन्दी ने विश्वभर में भारतको एक विशिष्ट सम्मान दिलाया है। इसकी सरलता, सहजता और संवेदनशीलता हमेशा आकर्षित करती है। हिन्दी दिवस पर मैं उन सभी लोगों का हृदय से अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने इसे समृद्ध और सशक्त बनाने में अपना अथक योगदान दिया है। ’तो वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने भी हिंदी दिवस पर देशवासियों को शुभकामाएं दी है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोती है। हिंदी सभी भारतीय भाषाओं की सखी है। मोदी सरकार हिंदी सहित सभी स्थानीय भाषाओं के समानांतर विकास हेतु प्रतिबद्ध है। हिंदी के संरक्षण व संवर्धन में योगदान देने वाले महानुभावों को नमन करता हूं। सभी को 'हिंदी दिवस' की शुभकामनाएं।
गोवा में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माइकल बोबो समेत आठ विधायक बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं। गोवा कांग्रेस के विधायक दल ने बैठक की और बीजेपी में विलय होने का संकल्प पारित किया। इससे पहले, बीजेपी गोवा के अध्यक्ष सदानंद तनावड़े ने इसका दावा किया था। उन्होंने कहा, कांग्रेस के 8 विधायक जल्द बीजेपी में शामिल होंगे। दरअसल, गोवा में 40 विधानसभा सीटें है और इस साल फरवरी महीने में चुनाव हुए थे। राज्य में बीजेपी गठबंधन के पास 25 विधायक हैं तो वहीं कांग्रेस के पास 11 विधायक हैं। जिनमें से अब बीजेपी ने दावा करते हुए ये कह दिया है कि 11 में से 8 बीजेपी में शामिल होंगे। इनमें दिगंबर कामत, माइकल लोबो, राजेश फलदेसाई, केदार नाइक, संकल्प अमनोकर, एलेक्जियो सिक्वेरा, रुडॉल्फ फर्नान्डिस के नाम शामिल हो सकते हैं।
भारत में कोरोना के खिलाफ जंग लगातार जारी है। इस बीच देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में कुछ इजाफा हुआ है। देश में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 5,108 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान 19 मरीजों की मौत हुई है। इस अवधि के दौरान कोरोना से संक्रमित 5,675 मरीज ठीक भी हुए हैं। इससे पहले देश में मंगलवार को 4,369 नए कोरोना वायरस संक्रमण के मामले सामने आए थे। इस अवधि के दौरान 20 लोगों की जान भी गई थी। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक एक्टिव केस में कमी दर्ज की गई है। देश में कोविड-19 के कुल सक्रिय मामले घटकर 45,749 हो गए हैं। इससे पहले मंगलवार को सक्रिय मामले 46,347 थे। पिछले 24 घंटों की अवधि में सक्रिय COVID-19 में 598 मामलों की कमी दर्ज की गई है। मंत्रालय ने कहा कि सक्रिय मामलों में कुल संक्रमण का 0.10 फीसदी शामिल है।
सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीस दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के दफ्तर पहुंची। यहां अधिकारी एक्ट्रेस से कई घंंटों तक पूछताछ कर सकते हैं। दरअसल, ईओडब्ल्यू ने आज बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीस को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया था। बता दें कि उन्हें पहले सोमवार को पेश होने के लिए कहा गया था लेकिन किन्हीं कारणों से इसे टाल दिया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को पेशी को लेकर मिले समन पर जैकलीन फर्नांडीस ने दिल्ली पुलिस को एक ईमेल लिखा था, जिसमें उन्होंने सोमवार को पूछताछ टालने का अनुरोध किया था। पुलिस ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया था। इसके बाद उन्हें फिर नया समन जारी किया गया। इससे पहले सितंबर के पहले हफ्ते में ईओडब्ल्यू ने इस मामले में एक अन्य बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही की गवाही दर्ज की थी।
आईटी स्टॉक्स में भारी खऱीदारी के चलते हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में बंद हुआ है। हालांकि बाजार ने अपनी बढ़त गंवा दी। आज का कारोबार खत्म होने पर मुंबई स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 105 अंकों के उछाल के साथ 59,793 तो नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 34 अंकों की तेजी के साथ 17,833 अंकों पर बंद हुआ है। हालांकि सेंसेक्स दिन के अपने हाई से 326 अंक नीचे जा गिरा तो निफ्टी 127 नीचे आ गया। सेंसेक्स सुबह कारोबार में 60,000 के आंकड़े को पार कर गया था। बैंक निफ्टी और निफ्टी आईटी में शानदार तेजी देखी गई। बैंक निफ्टी के 12 शेयर में 9 शेयर हरे निशान में तो 3 शेयर लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी आईटी के 10 शेयरों में सभी 10 शेयर हरे निशान में बंद हुए। बैंकिंग आईटी के अलावा ऑटो, एफएमसीजी, मेटल्स, ऑयल एंड गैस सेक्टर में तेजी रही। वहीं कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, फार्मा, के अलावा मीडिया सेक्टर के शेयर में गिरावट देखी गई। मिडकैप और स्मॉल कैप के शेयर भी तेजी के साथ बंद हुए। निफ्टी के 50 शेयरों में 26 शेयर हरे निशान बंद हुए तो 24 शेयर लाल निशान में बंद हुए। तो सेंसेक्स के 30 स्टॉक्स में केवल 14 शेयर हरे निशान में बंद हुआ वहीं 16 स्टॉक्स लाल निशान में बंद हुए हैं। बाजार में चढ़ने वाले शेयरों पर नजर डालें तो टेक महिंद्रा 3.32 फीसदी, इंडसइंड बैंक 2.60 फीसदी, इंफोसिस 2.43 फीसदी, एचसीएल टेक 1.90 फीसदी, मारुति सुजुकी 1.83 फीसदी, एसबीआई 1.61 फीसदी, टीसीएस 1.50 फीसदी, विप्रो 1.01 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ है।
ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर भारत में एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। गृह मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 11 सितंबर को भारत में राष्ट्रीय शोक रहेगा। इस दिन महारानी एलिजाबेथ के सम्मान में भारत में राष्ट्रध्वज आधा झुका रहेगा। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर शोक जताया। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें हमारे समय की दिग्गज के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने अपने देश और लोगों को प्रेरक नेतृत्व प्रदान किया। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में गरिमा और शालीनता का परिचय दिया।
भारतीय ओलंपिक संघ के निर्देश के बावजूद चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा का लंबे अंतरराष्ट्रीय सीजन और कमर में चोट के कारण आगामी राष्ट्रीय खेलों में हिस्सा लेना मुश्किल है। टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा ने गुरुवार को ज्यूरिख में प्रतिष्ठित डायमंड लीग फाइनल का खिताब जीत कर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। वह इस खिताब को जीतने वाले पहले भारतीय बने। इसके एक दिन बाद उनसे 29 सितंबर से 12 अक्टूबर तक गुजरात के विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने के बारे में पूछा गया। चोपड़ा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राष्ट्रीय खेल करीब आ रहे हैं। मैं अभी कमर की चोट से उबर रहा हूं। मैं एक या दो सप्ताह तक प्रशिक्षण नहीं ले पाऊंगा। इसलिए मैं मुख्य रूप से अगले साल पर ध्यान केंद्रित कर रहा हूं। ’’आईओए ने देश के शीर्ष एथलीटों के लिए खेलों में भाग लेना अनिवार्य कर दिया है, जिससे कई खिलाड़ियों को अपने प्रशिक्षण कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ सकता है।
हैदराबाद में शुक्रवार को हुई नीलामी में बालापुर गणेश के प्रसिद्ध 21 किलो के लड्डू को 24.60 लाख रुपयेमें नीलाम किया गया। स्थानीय व्यवसायी वी लक्ष्मा रेड्डी को नीलामी में यह लड्डू मिला। पिछले साल लड्डू की कीमत 18.90 लाख रुपये थी। स्थानीय लोगों का मानना है कि लड्डू उनके लिए सौभाग्य, स्वास्थ्य, धन और समृद्धि लाता है. मूर्ति को विसर्जन के लिए ले जाने से पहले नीलामी की गई थी। इस बीच, शहर में गणेश प्रतिमाओं का भव्य विसर्जन चल रहा था और पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए थे। विसर्जन कार्यक्रम शनिवार दोपहर तक चलने की संभावना है। बारिश की फुहारों के बावजूद यह आयोजन धार्मिक उत्साह और धूमधाम से किया जा रहा है। तेलंगाना के डीजीपी महेंद्र रेड्डी ने कहा कि तीन पुलिस आयुक्तों- हैदराबाद, साइबराबाद और राचकोंडा में आयोजन के सुचारू संचालन के लिए 35,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
आने वाले दिनों में गेंहू के बाद देश में चावल के उत्पादन में भी बड़ी गिरावट आ सकती है। जिसके चलते मौजूदा खरीफ सीजन में चावल के उत्पादन में 10 से 12 मिलियन टन की कमी आ सकती है। यही वजह है कि केंद्र सरकार ने गैर-बासमती चावल के एक्सपोर्ट पर 20 फीसदी एक्सपोर्ट टैक्स लगा दिया है तो टूटे हुए चावल के एक्सपोर्ट पर पूरी तरीके से रोक लगा दी गई है। खाद्य सचिव सुधांशु पांडे ने कहा कि चार राज्यों में सूखे की समस्या के साथ दूसरे फसलों की तरफ किसानों के रुझान के चलते खरीफ सीजन में 10 से 12 मिलियन उत्पादन कम रह सकता है। गौरतलब है कि गुरुवार को सरकार ने गैर-बासमती चावल निर्यात पर 20 फीसदी एक्सपोर्ट टैक्स लगा दिया था। 9 सितंबर, 2022 यानि आज से ये फैसला लागू हो चुका है। वित्त मंत्रालय के अधीन डिपार्टमेंट ऑफ रेवेन्यू ने ये जानकारी दी है। खाद्य आपूर्ति मंत्रालय के सिफारिशों के बाद सरकार ने ये फैसला लिया है। खाद्य आपूर्ति मंत्रालय ने पीडीएस और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के लिए प्रर्याप्त स्टॉक रखने के लिए चावल के एक्सपोर्ट पर टैक्स लगाने की सलाह दी थी।
लद्दाख के गोगरा-हॉट स्प्रिंग्स से भारतीय और चीनी सैनिकों की वापसी सोमवार तक पूरी हो जाएगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक बयान में कहा कि दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए हैं कि क्षेत्र में बनाए गए सभी अस्थायी ढांचे और अन्य संबद्ध बुनियादी ढांचों को तोड़ा जाएगा और पारस्परिक रूप से सत्यापित किया जाएगा। प्रवक्ता बागची ने कहा कि समझौता सुनिश्चित करता है कि इस क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा या एलएसी का दोनों पक्षों द्वारा कड़ाई से पालन और सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यथास्थिति में कोई एकतरफा बदलाव नहीं होगा। बता दें कि भारत और चीन के बीच 16वें दौर की कोर कमांडर स्तर की वार्ता 17 जुलाई को हुई थी। इससे पहले दोनों पक्ष मार्च में बातचीत के लिए मिले थे। बता दें कि भारत और चीन गलवान क्षेत्र से अब तक अलग होने में सफल रहे हैं, जहां जून 2020 में दोनों पक्षों के सैनिकों के बीच भयंकर झड़प हुई थी। इस झड़प में 20 भारतीय सैनिकों ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी।
हिमाचल में जहां अभी कोरोना वायरस खत्म नहीं हुआ है। वहीं इसी बीच स्क्रब टाइफस सक्रिय हो गया है। इस साल स्क्रब टाइफस के 900 मरीजों के टेस्ट किए गए हैं, जिसमें से 86 मामले पॉजिटिव आ चुके है। ध्यान रहे कि अब सीजन शुरू हो गया है, अब लगातार स्क्रब टायफस के मामले आने शुरू हो गए हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतनी होगी। स्क्रब टाइफस को लोग बिल्कुल भी हल्के में ना लें। अगर लापरवाही बरती तो आपकी जान पर भारी पड़ सकता है। हर वर्ष स्क्रब टायफस लोगों को अपना ग्रास बनाता है। आपको इसके लक्षण दिखाई देते है तो तुरंत डॉक्टर के पास जाए। चिकित्सक द्वारा कोरोना के साथ-साथ अब स्क्रब टाइफस के टेस्ट किए जा रहे है। हर साल मामले को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट रहता है। पहले ही विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं हिमाचल प्रदेश में स्क्रब टायफस जानलेवा हो गया है। हिमाचल में स्क्रब टायफस से इस साल की पहली मौत होने का मामला सामने आया है। सोलन के 55 साल के व्यक्ति की स्क्रब टायफस से मौत हो गई है। व्यक्ति आईजीएमसी के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल था। बुधवार देर शाम व्यक्ति की मौत हो गई है। आईजीएमसी के प्रशासनिक अधिकारी डॉ राहुल गुप्ता ने व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। स्क्रब टाइफस के लक्षण स्क्रब टाइफस होने पर मरीज को तेज बुखार जिसमें 104 से 105 तक जा सकता है। जोड़ों में दर्द और कंपकंपी ठंड के साथ बुखार शरीर में ऐंठन अकड़न या शरीर का टूटा हुआ लगना अधिक संक्रमण में गर्दन बाजू कूल्हों के नीचे गिल्टियां का होना आदि इसके लक्षण है। स्क्रब टायफस से बचने के उपाय लोग सफाई का विशेष ध्यान रखे। घर व आसपास के वातावरण को साफ रखें। घर व आसपास कीटनाशक दवा का छिडक़ाव करें। मरीजों को डॉक्सीसाइक्लन और एजिथ्रोमाईसिन दवा दी जाती है। स्क्रब टायफस शुरूआत में आम बुखार की तरह होता है, लेकिन यह सीधे किडनी और लीवर पर अटैक करता है। यही कारण है कि मरीजों की मौत हो जाती है।


















































