कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में कमी आने के साथ ही अहमदनगर जिला प्रशासन ने प्रसिद्ध शिरडी मंदिर में जाकर पास लेने वाले 10,000 श्रद्धालुओं को प्रतिदिन साईबाबा के दर्शन करने की मंजूरी देने का फैसला किया है। अब कुल 25,000 श्रद्धालु हर दिन साईबाबा के दर्शन कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने छह अक्टूबर को एक आदेश जारी कर ऑनलाइन माध्यम से पास लेने वाले 15,000 श्रद्धालुओं को हर दिन दर्शन करने की अनुमति दी, लेकिन मामलों में कमी आने के मद्देनजर प्राधिकारियों को वहीं जाकर पास लेने वाले और अधिक श्रद्धालुओं को दर्शन करने की अनुमति देने का प्रस्ताव मिला। ऑनलाइन माध्यम से 15,000 श्रद्धालुओं को पास जारी किए जा रहे हैं, इसका मतलब है कि अब कुल 25,000 श्रद्धालु हर दिन साईबाबा के दर्शन कर सकते हैं।
पश्चिम बंगाल में एक बार फिर से हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियों के साथ तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि यहां के उत्तरी 24 परगना जिले में बुधवार सुबह आगामी त्योहारों के लिए तैयार की जा रही मूर्तियों को अराजक तत्वों द्वारा तोड़ दिया गया, इससे पूरे इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया। अधिकारियों ने बताया कि जिन मूर्तियों को तोड़ा गया है वह आगामी राश उत्सव के लिए तैयार की जा रहीं थीं। तोड़फोड़ की घटना स्वरूपनगर थाना क्षेत्र के सारापूल इलाके में हुई। एसपी जोबी थॉमस ने बताया कि मूर्तियों के साथ तोड़फोड़ की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मूर्तियों को हटा दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि इसके पीछे किस शरारती तत्व का हाथ था। हालांकि, स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने साल-2020 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मंगलवार को डीजीपी डिस्क देने के निर्देश जारी कर दिए। एसपी बद्दी मोहित चावला, कमांडेंट 3 आईआरबीएन पंडोह सौम्या सांबशिवन, एसपी इंटेलिजेंस संदीप भारद्वाज समेत कुल 88 पुलिस कर्मियों को डीजीपी डिस्क मिलेगा। इसके अलावा डीएसपी कुलविंदर सिंह, डीएसपी कमल वर्मा, एचएचसी रमेश चंद, कांस्टेबल रणबीर, संदीप कुमार और संदीप ठाकुर, सिरमौर जिले के हेड कांस्टेबल रोहित कुमार और संदीप चौहान, कांस्टेबल नितीश शर्मा, सोलन से डीएसपी योगेश रोल्टा, कांस्टेबल हेमंत और नवीन कुमार, किन्नौर से कांस्टेबल भूपेंद्र कुमार, बद्दी के हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, रोहित सिंह, लाहौल-स्पीति के कांस्टेबल दीपक, प्रमोद कुमार शामिल हैं।
कोरोना के मामले के बढ़ने के बाद जिला जम्मू में अब 17 नवंबर से रात्रिकालीन कर्फ्यू रात दस से सुबह छह बजे तक रहेगा। पहले रात 11 से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू का समय निर्धारित था। लेकिन अब कर्फ्यू का समय दो घंटे बढ़ा दिया गया है। डीसी ने भीड़भाड़ व संवेदनशील इलाके में लगातार कोरोना जांच की हिदायत दी है। कोविड संक्रमण से कश्मीर संभाग में मंगलवार को दो और लोगों की मौत हो गई। इस बीच प्रदेश में 144 नए संक्रमित मिले। श्रीनगर में सर्वाधिक 51 मामले मिले, जिसमें 50 स्थानीय स्तर के हैं। पिछले चौबीस घंटे में जिला जम्मू में 13 नए मामले मिले। बारामुला में 19, पुलवामा में 12, गांदरबल में 16 संक्रमित मामले मिले जिला रियासी, पुंछ, किश्तवाड़, सांबा, कठुआ, शोपियां, कुलगाम में कोई नया संक्रमित मामला नहीं मिला है।
शिमला में 82वें अखिल भारतीय पीठासीन सम्मेलन का आयोजन हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। इसके लिए प्रधानमंत्री व लोकसभा अध्यक्ष का धन्यवाद। उन्होंने कहा कि प्रदेश विधानसभा का एक गौरवमयी इतिहास रहा है। इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रदेश की वर्तमान प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1 लाख 95 हजार हो गई है। हिमाचल स्टेटेहूड के 50 वर्ष पूर्ण हुए है जिनमे अनेक कार्यक्रम होने है। उन्होंने प्रथम डोज में देश भर में प्रथम आने पर जनता को बधाई दी। इस दौरान ओम बिड़ला ने कहा कि शिमला देश के अंदर ऐतिहासिक क्षणों का साक्षी रहा है। वंही इस सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह सम्मेलन नए संकल्पो के साथ होता है। जो देश की संसदीय व्यवस्था को नई गति देता है। इस परंपरा को 100 साल हुए है। इसके लिए सभी देश वासियों को बधाई। लोकतंत्र भारत का स्वभाव व प्रकृति है। भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, यह कार्यक्रम हमारी जिम्मेदारी को बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि भारत 100 करोड़ का वैक्सीन का आंकड़ा पूरा कर चुका है। भारत के भविष्य के सपने पूरे होंगे जो सभी राज्यों के प्रयासों से पूरे होंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि देश ने वन नेशन वन राशन कार्ड जैसी व्यवस्थाएं बनाई है। वन नेशन वन नेशन लेजिसलेचर की व्यवस्था जैसी व्यवस्था आजादी के अमृत काल मे होना चाहिए। सदन के आचार व्यवहार, वाद विवाद समाधान में कर्तव्य का बोध हो। कर्तव्य को ही सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसका प्रभाव पूरे देश पर पड़ेगा। 2047 तक देश कहा ले जाना है सदन इस पर चर्चा करेगा ऐसी उम्मीद है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण एक बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है। हालांकि, केन्द्र सरकार अपने कर्मचारियों के वर्क फ्रॉम होम के पक्ष में नहीं है। केन्द्र सरकार ने कोर्ट से कहा कि वर्क फ्रॉम होम की बजाय कार पुलिंग, गैर-जरूरी ट्रकों के प्रवेश रोकने जैसे अन्य वैकल्पिक उपाय अपनाएंगे ताकि सड़कों पर चलने वाली गाड़ियों की संख्या में कमी की जा सके। सुप्रीम कोर्ट में दिए अपने हलफनामे में केंद्र सरकार ने बताया कि उनके द्वारा उपयोग किए जाने वाले वाहनों की संख्या राष्ट्रीय राजधानी में कुल वाहनों का एक छोटा अंश है और उनके रोके जाने से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार की दिशा में अधिक प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस मामले पर अब अगली सुनवाई 24 नवंबर को होगी।
झारखंड में आतंक निरोधक दस्ते ने माओवादियों को हथियारों की आपूर्ति करने के आरोप में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक जवान समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी। झारखंड पुलिस के एटीएस के पुलिस अधीक्षक प्रशांत आनंद ने बताया कि सीआरपीएफ के जवान समेत गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा को हथियारों की आपूर्ति करते थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए है। बिहार पुलिस की मदद से अनिवाश और ऋषि की गिरफ्तारी के बाद हथियारों की बरामदगी की गई। पंकज को झारखंड पुलिस ने रांची से गिरफ्तार किया।
एशिया की सबसे बड़ी बजट एयरलाइंस इंडिगो अब पैसेंजर्स को झटका देने जा रही है। इंडिगो यात्रियों से चेक-इन सामान के लिए पैसे वसूलने की तैयारी कर रही है। कोविड की मार के बाद अब भारत ट्रैवल मार्केट में रिकवरी के संकेत मिल रहे हैं. ऐसे में प्राइस वॉर फिर से शुरू हो सकता है। इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड द्वारा संचालित इंडिगो के सीईओ रोनोजॉय दत्ता ने कहा, 'हम इस बारे में सरकार से बात कर रहे हैं। कोई भी फैसला लेने से पहले हम चाहते हैं कि सब कुछ सामान्य हो जाए।' इंडिगो भी गो एयरलाइंस इंडिया लिमिटेड की कतार में शामिल होने जा रही है, जो एयर टिकट्स से इतर यात्रियों से बैगेज चार्ज वसूलने की तैयारी में है। हालांकि इंडिगो द्वारा टिकट की कीमतों में कटौती करने से मार्केट में दूसरी एयरलाइंस के बीच कॉम्पिटिशन और बढ़ेगा। प्राइस वॉर के कारण कई ऐसी कंपनियां जो कोरोना महामारी से पहले एविएशन मार्केट पर राज करती थीं, उन्हें बिजनेस से बाहर कर दिया है। हालांकि 30 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दस साल पहले बनी सड़कों की चौड़ाई 3.75 मीटर तय थी। वही अब केंद्र सरकार ने सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने का निर्णय लिया है। 5.5 मीटर सड़क की चौड़ाई बढ़ाने से पूर्व लोक निर्माण विभाग को जमीन के मालिकों की भी दोबारा स्वीकृति लेनी होगी। क्यूंकि पीएमजीएसवाई में ज्यादातर सड़कें दान की जमीन पर हैं और सड़क के तय मानकों के बाहर की जमीन निजी है। आप को बता दे कि केंद्र सरकार ने पीएमजीएसवाई के तीसरे चरण को शुरू करने के संबंध में आदेश जारी किए हैं। इसमें सड़कों का दोबारा से निर्माण करने के लिए सड़कों का चयन किया जाएगा। केंद्र सरकार इसके लिए चार हजार करोड़ रुपए की राशि जारी करेगी। इस योजना का मुख्य उदेश्ये सड़क से दूर स्कूल, शैक्षणिक संस्थान और आबादी वाले पैदल मार्गो को जोड़ना है।
घाटी में आतंकी अपनी कायराना हरकतों से बाज नहीं आ रहे। आज आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर में बारामूल के पट्टन इलाके में सीआरपीएफ के एक गश्ती दल पर हमला कर दिया। इस हमले में दो जवानों समेत चार लोग घायल हो गए हैं, जिनका स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल पूरे इलाके की घेराबंदी कर दई गई है। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने आज सुबह सीआरपीएफ के गश्ती दल को निशाने बनाने के लिए उनपर ग्रेनेड फेंका। आतंकियों ने ये ग्रेनेड पट्टन के बाजार में फेंका था। इसी वजह से जवानों के साथ-साथ आम नागरिक भी इस हमले में घायल हो गए। हालांकि घायलों में किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आई हैं। फिलहाल सुरक्षाबलों ने इलाके की घेरा बंदी कर दी है और उन आतंकियों को ढूंढा जा रहा है, जिन्होंने ये ग्रेनेड फेंका है।
पाकिस्तान में स्थित सिखों के सबसे पूजनीय तीर्थस्थलों तक जाने के लिए करतारपुर साहिब गलियारे को आज से दोबारा खोल दिया जाएगा। इस बात की घोषणा केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को की थी। केंद्र सरकार के इस फैसले का पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजी सिंह चन्नी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने स्वागत किया है। साथ ही सीएम चन्नी ने एलान किया है कि वो पहले जत्थे के साथ पूरी कैबिनेट संग माथा टेकने करतारपुर गुरुद्वारा साहिब जाएंगे। करतारपुर कॉरिडोर के लिए रजिस्ट्रेशन की शुरुआत बुधवार यानि आज से होगी। 18 नवंबर के दिन यानि शुक्रवार को 250 तीर्थयात्रियों का एक जत्था करतारपुर गुरुद्वारे में जा सकता है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने केंद्र के फैसले का स्वागत किया और कहा कि राज्य मंत्रिमंडल उस 'जत्थे' का हिस्सा होगा जो 18 नवंबर को पाकिस्तान में गुरुद्वारे का दौरा करेगा। बता दें कि करतारपुर गलियारा सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी के अंतिम विश्राम स्थल गुरुद्वारा दरबार साहिब, पाकिस्तान को पंजाब के गुरदासपुर जिले में डेरा बाबा नानक गुरुद्वारे से जोड़ता है। कोरोना संक्रमण के कारण मार्च 2020 से रुकी हुई तीर्थयात्रा को फिर से शुरू करने की घोषणा शुक्रवार को गुरु नानक देव की जयंती से तीन दिन पहले की गई।
18 से 24 नवंबर तक विश्व एंटीबायोटिक जागरूकता सप्ताह दिवस मनाया जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा करवाए गए एक सर्वे में यह बात सामने आई है कि करीब 53 फीसदी लोग बीमार होने पर खुद ही एंटीबायोटिक का उपयोग कर लेते हैं। बिना परामर्श एंटीबायोटिक दवाइयों का किया जाने वाला उपयोग चिंता का सबब बनता जा रहा है। चिकित्सक भी मानते हैं कि बिना डाक्टरी सलाह के एंटीबायोटिक दवाइयों के उपयोग से बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कुछ समय पूर्व एंटी बॉयोटिक दवाइयों से संबंधित एक रिपोर्ट जारी की है जिसमें बताया गया है कि एंटी बॉयोटिक दवाइयों का दुरुपयोग हो रहा है, जिसकी वजह से बीमारियां भयावह होती जा रही हैं। चिकित्सक भी मानते हैं कि लोगों को बिना पूछे ही एंटीबायोटिक खाना बंद करना होगा। वहीं बिना चिकित्सक की सलाह लिए दवा विक्रेता से दवा लेना भी बंद करना होगा।
कोविड-19 टीकाकरण अभियान में ऐसा पहली बार हुआ है जब पूरी तरह वैक्सीनेटेड लोगों की संख्या सिंगल डोज लगवा चुके लोगों के पार जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक 75.54 करोड़ लोग कम से कम एक डोज लगवा चुके हैं। इसमें 38.07 करोड़ लोगों को दोनों डोज लगाई जा चुकी हैं तेा 37.47 करोड़ लोग ऐसे हैं, जिन्होंने अभी तक कोरोना की एक ही खुराक ली है। कोविड-19 टीकाकरण अभियान सरकार की प्रमुखताओं में शामिल है। इस अभियान को गति देने के लिए हर रोज नए-नए प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, देश में अब तक 40.3 प्रतिशत वयस्कों को वैक्सीन को दोनों खुराक दी जा चुकी हैं। जबकि, 40.2 प्रतिशत लोगों को एक ही खुराक दी गई है। इसी तरह विश्व में अब तक औसतन 52.2 प्रतिशत लोगों को कम से कम एक वैक्सीन का डोज लग चुका है, वहीं 40.9 प्रतिशत लोग दोनों डोज ले चुके हैं। सरकार ने इस साल के अंत तक सभी वयस्कों को कोरोना वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा है, इसलिए राज्यों को वैक्सीनेशन अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए केंद्र सरकार ने घर-घर जाकर टीकाकरण अभियान को भी चलाया है।
देश में जानलेवा कोरोना वायरस का प्रकोप बरकरार है और अब एक्टिव मामलों की संख्या एक लाख 28 हजार 555 है। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 10 हजार 197 नए केस सामने आए हैं और 301 लोगों की मौत हुई है। बड़ी बात यह है कि 527 दिनों बाद देश में कोरोना के सबसे कम एक्टिव केस हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 4 लाख 64 हजार 153 हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक, अभी तक कुल 3 करोड़ 38 लाख 73 हजार 890 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण मुहिम के तहत अभी तक कोरोना वायरस रोधी टीकों की 113 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी हैं। कल 67 लाख 82 हजार 42 डोज़ दी गईं, जिसके बाद अब तक वैक्सीन की 113 करोड़ 68 लाख 79 हजार 685 डोज़ दी जा चुकी हैं।
अभिनेत्री कंगना रनौत के बोल फिर बिगड़ गए हैं। इस बार कंगना ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर निशाना साधा है। कंगना ने सोशल साइट इंस्टाग्राम पर दो लंबे मैसेज किए हैं। एक मैसेज में अखबार की एक पुरानी कटिंग लगाते कंगना ने लिखा है, ''या तो आप गांधी के फैन हो सकते हैं या नेताजी के समर्थक। आप दोनों नहीं हो सकते। चुनें और फैसला करे।'' कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरीज में जो संदेश लिखा है उसमें बापू को सत्ता का भूखा और चालाक बताने तक की हिमाकत कर दी है। इससे पहले कंगना ने भारत को मिली आजादी को भीख कहा था। अब कंगना के खिलाफ राजस्थान की राजधानी जयपुर में कांग्रेस नेता ने शिकायत दर्ज कराई है। बता दें कि अभी तक आजादी के साल को लेकर डिबेट कर रहीं कंगना पर वैसे ही कई FIR दर्ज हो चुके हैं।
राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए केंद्र सरकार के पैनल ने दिल्ली-एनसीआर के सभी स्कूल, कॉलेज बंद करने का फैसला लिया है। साथ ही अगले आदेश तक ऑनलाइन क्लास के निर्देश जारी किए गए है। इसके साथ ही, दिल्ली में गैर जरूरी ट्रकों की एंट्री पर बैन लगाने का भी फैसला किया गया है। पचास फीसदी स्टाफ को वर्क फ्रॉम होम करने को कहा गया है। दरअसल, प्रदूषण की गंभीरता को देखते हुए और उसे नियंत्रित करने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने अगले आदेश जारी होने तक सभी निजी स्कूल, कॉलेज बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं। कमिशन ने ये भी कहा कि, 21 नवंबर तक दिल्ली में ट्रकों की एंट्री पर पाबंदी लगा दी गई है। केवल जरूरी सामानों की एंट्री पर पाबंदी नहीं रहेगी। वहीं, इसके अलावा रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा/डिफेंस को छोड़ कर सभी कंस्ट्रक्शन पर 21 नवंबर तक पाबंदी रहेगी। गौरतलब है कि बीते दिन दिल्ली में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में आ बनी जिसके बाद दिल्ली सरकार ने उत्तरी राज्यों के साथ बैठक कर प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली-एनसीआर में वर्क फ्रॉम होम नीति लागू करने के सुझाव दिए। इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट ने प्रदूषण मामले पर सुनवाई करते हुए लॉकडाउन लगाने का भी सुझाव दिया था।
काफी समय से सिख नेताओं और श्रद्धालुओं की मांग पर करतारपुर कॉरिडोर कल यानी 17 नवंबर को खोला जा रहा है। इस कि सूचना केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट करते हुए मंगलवार को दी। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा कि एक बड़े फैसले के तहत मोदी सरकार ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर को 17 नवंबर से दोबारा खोलने का फैसला लिया है, इससे बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालुओं को फायदा होगा। गृह मंत्री ने कहा कि यह फैसला श्री गुरु नानक देव जी और सिख समुदाय को लेकर मोदी सरकार की अपार श्रद्धा को दर्शाता है। याद दिला दे कि मार्च 2020 में कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए कॉरिडोर को बंद कर दिया गया था। हालांकि पाकिस्तान ने अपनी तरफ से पहले ही कॉरिडोर खोल दिया था। हाल हीं में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी गृह मंत्री से मुलाकात करके करतारपुर कॉरिडोर खोलने की मांग की थी, इसके साथ ही शिरोमणि अकाली दल नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने भी प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर यही मांग की थी। इसके अलावा नवजोत सिंह सिद्धू भी करतारपुर कॉरिडोर खोलने की मांग उठाते रहे हैं।
अब कई राजनेताओं और सितारों के विरोध के बाद सोमवार को किन्नर अखाड़ा ने भी कंगना रनौत के बयान पर अपना विरोध जताया हैं। इसी कड़ी में किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कंगना के बयान पर अपना विरोध जताते हुए कहा कि उनका यह बयान पूरी तरह से गलत है। कंगना को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए और अपना बयान वापस लेना चाहिए। महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण ने कंगना के इस बयान को देशद्रोह बताया है। किन्नर अखाड़े के मुखिया ने कहा कि देश की आजादी को लेकर इस तरह का बयान लोकतंत्र और संविधान का अपमान है। "देश के कितने महान स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना खून बहाया, सत्याग्रह में भाग लिया और अपने जीवन में अपना सब कुछ बलिदान कर दिया ताकि देश अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त हो सके। इस प्रकार, फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत का बयान देश के स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है। त्रिपाठी ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का प्रयोग करने का अधिकार है और राजनीतिक बयानबाजी भी की जा सकती है, लेकिन देश की आजादी को पहले या बाद में बनी सरकार या किसी भी राजनीतिक दल के चश्मे से नहीं जोड़ा और देखा जा सकता है। आचार्य महामंडलेश्वर ने भी राष्ट्रीय सनातन सेना द्वारा निकाले गए जुलूस का नेतृत्व कर कहा कि किन्नर अखाड़ा उन सभी संस्थाओं के साथ है जो देश की प्रगति के लिए काम कर रही है।
जम्मू कश्मीर के श्रीनगर जिले के हैदरपोरा में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुए मुठभेड़ के बाद आज चौथा शव बरामद किया गया है। बता दें कि सोमवार को शुरू हुए एनकाउंटर में दो लोगों आतंकी मारे गए थे। वहीं आज दो अन्य के शव बरामद किए गए हैं। दोनों शव की बरामदगी के एनकाउंट वाले जगह पर से बरामद शवों की संख्या चार हो गई है। बता दें कि पुलिस और सेना की संयुक्त टीम को आतंकियों के बारे में जानकारी मिली थी। जैसे ही आतंकियों की जानकारी पुलिस को मिली तो तुरंत टीम बनाकर इलाके की घेराबंदी कर दी गई। टीम को मिली जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। जिसके बाद आतंकवादियों की ओर से गोलीबारी शुरू कर दी गई। जवाबी कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला और आतंकियों का मुहंतोड़ जवाब देना शुरू कर दिया है। इस दौरान सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया। बता दें कि जम्मू-कश्मीर में हाल के दिनों में आतंकी वारदात में तेजी देखी गई है। आठ नवंबर को ही आतंकियों ने एक सेल्समैन की हत्या कर दी थी। इससे एक दिन पहले सात नवंबर को आतंकियों ने एक कॉन्सटेबल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं अक्टूबर में आतंकियों ने 13 नागरिकों की हत्या कर दी थी। इसमें बिजनेसमैन, मजदूर और शिक्षक शामिल हैं। अक्टूबर में ही 12 जवान आतंकी हमले में शहीद हो गए थे। वहीं सुरक्षाबलों ने 20 आतंकियों को मार गिराया।
आज के दिन यानि 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस मौके पर कई लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने पत्रकारिता और मीडिया से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर देश में सकारात्मक जनमत निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहे पत्रकारों का अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि प्रेस ने लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने के साथ सरकार और आमजन के बीच विश्वसनीय सेतु की भूमिका निभाई है। लोकसभा स्पीकर ने कहा कि समस्याएं उजागर कर समाधान की राह दिखाने में प्रेस का योगदान अहम है। ओम बिरला ने कहा, ''राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर देश में सकारात्मक जनमत निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहे पत्रकारों का अभिनंदन। प्रेस ने लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने के साथ सरकार और आमजन के बीच विश्वसनीय सेतु की भूमिका निभाई है। समस्याएं उजागर कर समाधान की राह दिखाने में प्रेस का योगदान अहम है।''
हिमाचल प्रदेश विभागीय परीक्षा बोर्ड के एक प्रवक्ता ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार के अधीन नियमित आधार पर सेवाएं प्रदान कर रहे पात्र अधिकारियों/कर्मचारियों के लिए विभागीय परीक्षा का आयोजन 14 से 23 फरवरी, 2022 तक किया जाएगा। परीक्षाएं भारतीय प्रशासनिक सेवाएं, हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाएं, तहसीलदार/नायब तहसीलदार, भारतीय वन सेवाएं/हिमाचल प्रदेश वन सेवाएं के अधिकारियों, अन्य सभी राजपत्रित अधिकारियों और पात्र अराजपत्रित अधिकारियों तकनीकी और गैर-तकनीकी, राज्य आबकारी एवं कराधान विभाग के आबकारी और कराधान निरीक्षक, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड निगम के अभियंता अधिकारियों, हिमाचल प्रदेश राज्य पर्यटन विभाग के सहायक अभियंता और राजस्व विभाग के पटवारियों के लिए विभागीय कानूनगो परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रवक्ता ने बताया कि केवल पेपर नम्बर-1 परीक्षा में भाग लेने वाले उम्मीदवारों की सुविधा के लिए राजकीय महाविद्यालय संजौली, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी में भी परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। अन्य सभी विषयों की परीक्षाएं राजकीय महाविद्यालय संजौली शिमला में ही आयोजित की जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि जो उम्मीदवार विभागीय परीक्षाओं में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें मानव सम्पदा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इच्छुक उम्मीदवार अपने आवेदन 1 दिसम्बर से 31 दिसम्बरतक जमा करवा सकते हैं। प्रार्थियों द्वारा किए गए आवेदन तभी मान्य होंगे जब उन्हें विभाग द्वारा अनुमोदित किया जाएगा। विभागाध्यक्ष प्रार्थियों द्वारा किए गए आवेदनों को 10 जनवरी, 2022 तक अनुमोदित कर पाएंगे और इसके उपरान्त विभागाध्यक्ष की विंडो स्वतः ही बंद हो जाएगी। उन्होंने बताया कि आवेदन फाॅर्म हिपा की वेबसाइट www.hipashimla.nic.in से डाउनलोड किया जा सकता है
ब्लाक खंड परागपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत सेहरी के बरियाल बेहड़ में लंबे अरसे बाद जसवां परागपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा व प्रदेश उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर के प्रयासों से सड़क बनने का सपना साकार होगा। बरवाल बेहड़ के 18 परिवारों ने लोक निर्माण विभाग के एसडीओ अमित गुलेरिया की उपस्थिति में तहसीलदार रक्कड़ अमित शर्मा के माध्यम से अपनी लाखों करोड़ों रुपए की जमीन लोक निर्माण विभाग को दान स्वरूप देकर इलाके भर में मिसाल कायम की है। जबकि इस भूमि में गांव बरियाल बेहड़ के अकेले परमजीत व उनके परिवार ने सात कनाल जमीन विभाग को दी है। उक्त भूमि दानवीरों की सीख उन लोगों को भी लेनी होगी, जो अपनी एक इंच जमीन के लिए एक-दूसरे पर मारपीट व जान लेने के लिए उतारू हो जाते है। बताया जा रहा है कि आजादी के 76 वर्ष का लंबा वक्त के बाद भी यहां लोग सड़क सुविधा से वचिंत थे। लेकिन उक्त भूमि दानवीरों द्वारा अपनी मिलकीयती भूमि बिना लालच सड़क के लिए दान देकर बड़ी राहत प्रदान की है। भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा व अन्य ग्रामीणों ने प्रदेश उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर से मांग की हैं कि जल्दी से जल्दी इस सड़क को बजट में डाल कर इन सभी दानी सज्जनों का सपना साकार करें।
सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के नए रेट्स जारी कर दिए हैं। लगातार 12वें दिन तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के रेट्स में कोई इजाफा नहीं किया है। वहीं, इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है। ब्रेंट क्रूड की कीमत आज 82.17 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रही हैं। इसके अलावा WTI क्रूड 80.96 डॉलर प्रति बैरल पर है। गौरतलब है कि इस समय ज्यादातर राज्यों में तेल की कीमत 100 रुपये के पार है। दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में तेल की कीमतें 100 रुपये के पार हैं।
सोने की कीमत में मंगलवार को फिर से बढ़ोतरी देखने को मिली है। आज एमसीएक्स पर सोने के दाम 0.25 फीसदी बढ़ गया। इस बढ़त के बाद सोने की कीमत पिछले दिन के वायदा भाव 49,132 रुपये प्रति दस ग्राम से बढ़कर 49,420 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गई। सोने के साथ-साथ आज चांदी की चमक भी बढ़ी है। इसकी कीमत में 0.57 फीसदी की तेजी आई है। इस बढ़त के साथ चांदी का भाव बढ़कर 66,940 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है। पिछले दिन वायदा कारोबार में चांदी की कीमत गिरावट के साथ 66,613 रुपये प्रति किलोग्राम थी। बता दें कि देश में सोने की कीमत उत्पाद शुल्क, राज्य कर और मेकिंग चार्ज के कारण अलग-अलग होती है।
एक आधिकारिक बयान में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने घोषणा की कि सोनीपत के खरखोदा में करीब 900 एकड़ जमीन पर मारुति का नया संयंत्र स्थापित करने की मंजूरी राज्य सरकार द्वारा दी गई हैं। मारुति सुजुकी अब सोनीपत जिले के खरखोदा में 900 एकड़ से ज्यादा जमीन में एक नया प्लांट लगाने जा रही हैं। खट्टर ने बताया कि इससे वाहन निर्माता को उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी जिससे ऑटोमोबाइल क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही कंपनी को सरकार की ओर से 15 साल के लिए स्टेट गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (SGST) रीइंबर्समेंट दिया गया है। एक और कारखाना बनाना एक आकर्षक संभावना प्रतीत होती है जो वाहन निर्माता को अपने उत्पादन को अपने वांछित लक्ष्यों तक पहुंचाने में मदद करेगा। वैश्विक स्तर पर सेमिकंडक्टर चिप की कमी के चलते इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स की कमी के कारण, वह हरियाणा में स्थित अपने दो प्लांट और गुजरात में मूल सुजुकी कारखाने में उत्पादन पर नकारात्मक प्रभाव की उम्मीद कर रही है। ऑटोमेकर ने स्थिति को गतिशील बताया क्योंकि उसके मुताबिक हरियाणा में दोनों कारखानों में कुल उत्पादन मात्रा नवंबर में सामान्य रोल-आउट का करीब 85 प्रतिशत हो सकती है। अक्तूबर का महीना भी मारुति सुजुकी के लिए बहुत अच्छा नहीं रहा क्योंकि घरेलू बाजार में इसकी बिक्री कंपनी की उम्मीद के मुताबिक नहीं थी। अपनी दूसरी तिमाही की घोषणा में, मारुति सुजुकी के अधिकारियों ने बताया कि हालांकि मांग संतोषजनक बनी हुई है, चिप संकट के कारण उत्पादन को नुकसान हो रहा है।
हिमाचल प्रदेश में करीब दो साल बाद सोमवार से पहली और दूसरी कक्षा के बच्चों के लिए भी स्कूल खुल गए हैं। सोमवार को पहले दिन स्कूल पहुंचे बच्चों का शिक्षकों ने कहीं तिलक लगाकर स्वागत किया तो कहीं टॉफियां भी बांटी गईं। पहली के बच्चों ने पहली बार तो दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों ने करीब पौने दो वर्ष बाद स्कूल परिसर में प्रवेश किया। वंही प्रदेश में पहले दिन पहली और दूसरी कक्षा के 65 फीसदी बच्चे स्कूलों में पहुंचे। सोमवार को पहली से पांचवीं कक्षा में 68.90 फीसदी, छठी से आठवीं कक्षा में 70.95 फीसदी और नौवीं से बारहवीं कक्षा में 66.0 फीसदी विद्यार्थियों ने हाजिरी दर्ज करवाई। सभी स्कूलों में कोरोना प्रोटोकाल का सख्ती से में पालन करवाया गया। उधर, निजी स्कूलों में प्राइमरी कक्षाओं में अपेक्षाकृत बच्चे कम आए।
हिमाचल प्रदेश कोरोना वैक्सीनेशन की पहली डोज में देश में पहले स्थान पर आने के बाद दूसरी डोज में गोवा से पिछड़ गया है। गोवा में दूसरी डोज 83 फीसदी लोगों को लग चुकी है, जबकि हिमाचल में अभी 75 फीसदी लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगी है। हालांकि, हिमाचल सरकार ने 30 नवंबर तक दूसरी डोज लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। लोगों को घर-घर वैक्सीन लगाने और पंचायतों में 100 फीसदी वैक्सीन का टारगेट पूरा करने का प्रस्ताव पारित किया है। इसके अलावा लद्दाख दूसरी डोज में हिमाचल के करीब पहुंच रहा है। यहां 73 फीसदी लोगों को वैक्सीन लग चुकी है।
राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में राज्य मंत्रिपरिषद की अहम बैठक आज यानि मंगलवार को होने जा रही है। इस मीटिंग में पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करने को लेकर फैसला लिया जा सकता है। केंद्र सरकार द्वारा 3 नवंबर को पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम कर दी गई थी जिसके बाद कई राज्यों ने भी तेल पर वैट में कटौती की थी। वहीं पेट्रोल और डीजल पर लागू वैट को कम करने को लेकर राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार भी भारी दबाव झेल रही है। बता दें कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को इस आशय के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि कैबिनेट और मंत्रिपरिषद की बैठक में वैट कम किए जाने को लेकर चर्चा होगी और जो भी संभव होगा वो फैसला लिया जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने ये भी कहा था कि कई राज्यों ने पेट्रोल-डीजल पर वैट कम कर दिया है, जिससे राज्यों के बीच असमानता हो गई है। आधिकारिक रूप से मंत्रिपरिषद की बैठक का समय अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन उम्मीद की जा रही हैं की शाम पांच बजे यह बैठक हो सकती हैं।
बिहार में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। बिहार के लखीसराय जिले के सिकन्दरा-शेखपुरा एनएच 333 पर हलसी थाना क्षेत्र के पिपरा गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के समीप मंगलवार की सुबह ट्रक एवं सूमो गोल्ड वाहन की जबरदस्त टक्कर हो गई है। इसमें सूमो पर सवार चालक सहित एक ही परिवार के छह लोगों की मौके पर मौत हो गई है। सूमो पर कुल 10 लोग सवार थे। चार सवारी का शव सड़क पर फेंका गया जबकि चालक सहित दो लोग सूमो में फंसे रह गए। सभी मृतक जमुई जिले के रहने वाले बताए थे। वंही ट्रक एलपीजी रसोई गैस के खाली सिलेंडर लदा हुआ था।
प्रधान न्यायाधीश एनवी रमण की अध्यक्षता वाले उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने अधिवक्ता सौरभ कृपाल को दिल्ली उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सबसे बड़ी बात ये है कि वह देश के पहले समलैंगिक जज हो सकते हैं। दिल्ली हाईकोर्ट के जज के रूप में कृपाल की प्रस्तावित नियुक्ति उनकी कथित यौन अभिरूचि के कारण विवाद का विषय थी। कृपाल को 2017 में तत्कालीन कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल के नेतृत्व में दिल्ली उच्च न्यायालय के कॉलेजियम द्वारा पदोन्नत करने की सिफारिश की गई थी। इसके बाद उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने भी इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। हालांकि, केंद्र ने कृपाल की कथित यौन अभिरूचि का हवाला देते हुए उनकी सिफारिश के खिलाफ आपत्ति जताई थी। सिफारिश पर विवाद और केंद्र द्वारा कथित आपत्ति को लेकर पिछले चार वर्षों से कई अटकलें लगाई जा रही थीं।
कोरोना की दूसरी लहर के बाद फिलहाल हालात सामान्य हो रहे हैं और अर्थव्यवस्था भी पटरी पर आती दिख रही है। ऐसे में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए राज्यों के खाते में एक साथ ज़्यादा पैसा देने का फ़ैसला किया गया है। 22 नवम्बर को राज्यों की झोली भरने वाली है। मोदी सरकार ने फ़ैसला किया है कि अर्थव्यवस्था में तेज़ी लाने के लिए राज्य सरकारों के पास पैसों की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए केन्द्रीय करों में से इस महीने राज्यों के हिस्से की एक नहीं बल्कि दो किस्तें एक साथ देने का फ़ैसला किया गया है। 22 नवम्बर को सभी राज्यों को दो किस्तों का कुल 95000 करोड़ रुपया एक साथ भेजा जाएगा। जबकि अगर एक ही क़िस्त भेजी जाती तो ये रक़म 47500 करोड़ रुपए होती। गौरतलब है कि सोमवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वित्त मंत्रियों के साथ बैठक की। बैठक का उद्देश्य कोरोना की दूसरी लहर के बाद पटरी पर वापस लौटती दिख रही अर्थव्यवस्था में जान डालने के लिए एक साझा कार्य योजना बनाना था। बैठक में उत्तर प्रदेश समेत 15 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए जबकि 11 राज्यों के वित्त मंत्री उनकी ओर से शरीक हुए। बैठक के बाद निर्मला सीतारमण ने राज्यों को एक साथ दो किस्तों का पैसा देने का फ़ैसला किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश में 340 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश में 340 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। यह एक्सप्रेसवे पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को जोड़ेगा। करीब 42,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित, एक्सप्रेसवे लखनऊ के चांद सराय गांव से शुरू होता है। यह एक्सप्रेसवे लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर से होकर गुजरेगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ के रास्ते लखनऊ से गाजीपुर तक छह लेन पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण का शुभारंभ किया था। भविष्य में एक्सप्रेस-वे को आठ लेन तक बढ़ाया जा सकता है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार का दावा है कि एक्सप्रेसवे न केवल औद्योगिक गतिविधियों के लिए रास्ता खोलेगा, बल्कि पूर्वांचल के विकास को भी बढ़ावा देगा और बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार प्रदान करेगा। पीएम मोदी दोपहर 1.30 बजे वायुसेना के सी-130जे सुपर हरक्युलिस एयरक्राफ्ट से एक्सप्रेसवे पर ही बनी खास एयर-स्ट्रीप पर उतरेंगे। जहां यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ उनकी अगवानी करेंगे। दोपहर 2.40 बजे एयर शो शुरू होगा जो आधे घंटे चलेगा। इस दौरान भारतीय वायुसेना के दो सी-130जे मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट एक्सप्रेसवे पर बनी खास हवाई पट्टी पर उतरेंगे। एक सी-130जे पर पीएम मोदी वायुसेना के अधिकारियों के साथ होंगे। इस एक्सप्रेसवे पर 3.20 किलोमीटर लंबी एक खास हवाई पट्टी बनाई गई है। विशेष परिस्थितियों में वायुसेना के फाइटर जेट्स और ट्रांसपोर्ट विमान इस हवाई पट्टी उर उतर सकेंगे। उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी की मौजूदगी में भारतीय वायुसेना के छह फाइटर जेट्स भी लैंडिंग, टेकऑफ और टक डाउन ऑपरेशन्स करेंगे। इन लड़ाकू विमानों में दो सुखोई, दो मिराज और दो ही जगुआर शामिल होंगे।
दिल्ली और इससे सटे आसपास के राज्यों के इलाकों में हवा का स्तर बेहद खराब रिकार्ड किया जा रहा है। Aqicn.org के ताजा आंकड़े इस चिंता को और बढ़ाने का काम कर रहे हैं। सुबह से ही हवा में बेहद बारीक जानलेवा कण जिनको पीएम 2.5 कहा जाता है बेहद अधिक रिकार्ड किए गए हैं। मंगलवार 16 नवंबर की सुबह 7 बजे दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर 11 में एक्यूआई का स्तर 999 रिकार्ड किया गया है जो बेहद खतरनाक है। यहां के ही सेक्टर 30 में इसका लेवल 330 पाया गया है। इसी तरह से राजधानी दिल्ली में आज सुबह सात बजे एक्यूआई का विभिन्न जगहों पर खतरनाक स्तर रिकार्ड किया गया है। सुबह सात बजे आनंद विहार इलाके में एक्यूआई का स्तर 470, वजीरपुर में 440, सत्यवती कालेज के पास 450, पंजाबी बाग में 359, द्वारका में 329, पूसा में 301, मंदिर मार्ग पर 343, अरबिंदो मार्ग पर 304, मेजर ध्यान चंद स्टेडियम के पास 362, दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के पास 357, झिलमिल में 466, पटपड़गंज इलाके में 406, श्रीनिवासपुरी में 313, नेशनल इंस्टिट्यूट आफ मलेरिया रिसर्च, द्वारका में 329, मुंडका में 356, सोनिया विहार में 405, नरेला में 488, बवाना में 355, रिकार्ड किया गया है।
सुरक्षाबलों ने श्रीनगर में एक बड़े आत्मघाती हमले की साजिश को नाकाम बनाते हुए दो आतंकियों को एक मुठभेड़ में मार गिराया। इस दौरान आतंकियों का एक मददगार आतंकियों की ही गोली की चपेट मेें आकर मारा गया। मरने वालों में एक त्राल का 11 दिन पुराना आतंकी समीर अहमद तांत्रे और दूसरा जम्मू संभाग में बनिहाल का रहने वाला आमिर है। पिछले 24 घंटों के दौरान श्रीनगर शहर में यह दूसरी मुठभेड़ है। इससे पहले गत रविवार शाम को नवाकदल में आतंकी पुलिस दल पर अचानक हमला कर भाग गए। हमले में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था। संबंधित पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मघाती हमले को अंजाम देने के लिए आतंकियों के शहर में घुसने की सूचना पर सुरक्षा बढ़ाई गई थी। आतंकियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश भी दी जा रही थी।
जुब्बल-नावर-कोटखाई में बाग़वानी, पर्यटन और विकास के कार्य को गति दी जाएगी। यह बात नव निर्वाचित कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर ने कोटखाई में आयोजित जन आभार कार्यक्रम के दौरान कोटखाई की जनता को सम्बोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई के उप-चुनाव में कांग्रेस पार्टी का सीधा मुकाबला प्रदेश की भाजपा सरकार से था। प्रदेश की भाजपा सरकार ने पूरा कैबिनेट जुब्बल-नावर-कोटखाई में उतार दिया था और बड़े-2 विजन और घोषणाओं से जनता को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन क्षेत्र की प्रबुद्ध जनता ने अपनी बुद्धिमता और विवेकता का परिचय देते हुए, अपार स्नेह और समर्थन के साथ कांग्रेस पार्टी को जीत दिलवाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा ही एक समान दृष्टिकोण के साथ संतुलित और समग्र विकास करने का प्रयास किया है और रुकें पड़े विकास कार्य को गति दी जाएगी। रोहित ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र में सीए स्टोर स्थापित करने और पर्यटन में अपार संभावनाओं को देखते हुए क्षेत्र में स्थानों को चिन्हित कर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उप-चुनाव से पूर्व भाजपा सरकार ने दो उपमंडल, विकास खंड और उप तहसील खोलने की घोषणा की है। उसे भी अमलीजामा पहनाया जाएगा। रोहित ठाकुर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उप चुनाव में निरंतर संघर्ष और मेहनत कर कांग्रेस पार्टी को विजयी बनाने पर आभार जताया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्रिहोत्री ने बताया कि जिला में कोरोना रोधी वैक्सीनेशन के लिए साप्ताहिक शेड्यूल जारी कर दिया गया है। 16 नवंबर को इन स्थानों पर लगाए जाएंगे कोरोना रोधी टीके : मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर, सीएचसी गलोड़, स्वास्थ्य उपकेंद्र जंगलरोपा, सनाही, पीएचसी सलौणी, मोबाइल टीम धनेड, स्वास्थ्य उपकेंद्र नारा, कोटलू, नागरिक अस्पताल नादौन, पीएचसी चौड़ू, सेरा, धनेटा, स्वास्थ्य उपकेंद्र पुतडिय़ाल, झलाण, कलूर, मोबाइल टीम, नागरिक अस्पताल टौणी देवी, स्वास्थ्य उपकेंद्र उटपुर, पीएचसी कोट, कुठेड़ा, स्वास्थ्य उपकेंद्र झनियारी, अमरोह, स्वाहल, मटटनसिद्ध, नागरिक अस्पताल सुजानपुर, पीएचसी चबूतरा, स्वास्थ्य उपकेंद्र रंगड़, करोट, स्वास्थ्य उपकेंद्र दैण-रोपड़ी, पीएचसी भोटा, सीएचसी बिझड़ी, स्वास्थ्य उपकेंद्र सोहारी, पीएचसी ननावां, चकमोह, गारली, बड़ाग्रां, नागरिक अस्पताल बड़सर, नागरिक अस्पताल भोरंज, पीएचसी जाहू, भरेड़ी, मैड़, बलोखर, डेरा परोल, स्वास्थ्य उपकेंद्र खरवाड़, जमली, चंदरूही, पंजोत, अमनेड, टोहू, टिप्पर, मोबाइल टीम पथलियार और मोबाइल टीम बगवाड़ा। 17 नवंबर को इन स्थानों पर लगेंगे कोरोना रोधी टीके : मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर, सीएचसी गलोड़, पीएचसी नालटी, कांगू, कश्मीर, स्वास्थ्य उपकेंद्र करेर, पपलाह, मोबाइल टीम धनेड, नागरिक अस्पताल नादौन, पीएचसी चौड़ू, सेरा, रैल, स्वास्थ्य उपकेंद्र बलडूहक, ग्वालपत्थर, जलाड़ी, बेला, नागरिक अस्पताल टौणी देवी, स्वास्थ्य उपकेंद्र ठाणा लोहारां, बलोह, चलोखर, बजूरी, पीएचसी कुठेड़ा, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र लंबलू, स्वास्थ्य उपकेंद्र ब्ल्यूट, पौहंज, नागरिक अस्पताल सुजानपुर, पीएचसी गुब्बर, पटलांदर, जंगलबैरी, चौरी, स्वास्थ्य उपकेंद्र बनाल, समताणा, पीएचसी भोटा, सीएचसी बिझड़ी, स्वास्थ्य उपकेंद्र कठियाणा, पीएचसी ननावां, चकमोह, स्वास्थ्य उपकेंद्र बडडू, मोबाइल टीम गारली, स्वास्थ्य उपकेंद्र जमली-महारल, नागरिक अस्पताल भोरंज, पीएचसी जाहू, बगवाड़ा, महल, कड़ोहता, स्वास्थ्य उपकेंद्र धमरोल, बधाणी, टिक्कर सनेहड, धीरवीं, बालू, जोल, पंजोत-अवाहदेवी, नागरिक अस्पताल बड़सर, मोबाइल टीम भरेड़ी और मोबाइल टीम नादौन। 18 नवंबर को इन स्थानों पर लगेंगे कोरोना रोधी टीके : मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर, सीएचसी गलोड़, स्वास्थ्य उपकेंद्र जंगलरोपा, तेलकर, पीएचसी सलौणी, स्वास्थ्य उपकेंद्र हड़ेटा, मोबाइल टीम धनेड, नागरिक अस्पताल नादौन, पीएचसी चौड़ू, सेरा, धनेटा, स्वास्थ्य उपकेंद्र भूंपल, मोबाइल टीम, नागरिक अस्पताल टौणी देवी, स्वास्थ्य उपकेंद्र दड़ूही, नेरी, पीएचसी कुठेड़ा, स्वास्थ्य उपकेंद्र चमनेड, धरोग, पीएचसी कोट, स्वास्थ्य उपकेंद्र कलंझड़ी, नागरिक अस्पताल सुजानपुर, पीएचसी पटलांदर, चबूतरा, स्वास्थ्य उपकेंद्र डूहक, बीड़ बगेहड़ा, पीएचसी भोटा, स्वास्थ्य उपकेंद्र धंगोटा, पीएचसी ननावां, स्वास्थ्य उपकेंद्र कनोह, मोबाइल टीम कलवाल, पीएचसी गारली, स्वास्थ्य उपकेंद्र जजरी, नागरिक अस्पताल बड़सर, सीएचसी बिझड़ी, नागरिक अस्पताल भोरंज, पीएचसी भरेड़ी, बलोखर, जाहू, स्वास्थ्य उपकेंद्र चौकी कनकरी, हनोह, नगरोटा, कंजयाण, खुथड़ीं, बुमाणा, बडैहर और मोबाइल टीम महल। 19 नवंबर को इन स्थानों पर लगेंगे कोरोना रोधी टीके : मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर, नागरिक अस्पताल टौणी देवी, पीएचसी कुठेड़ा, स्वास्थ्य उपकेंद्र दड़ूही, ख्याह, झनियारी, नागरिक अस्पताल सुजानपुर, पीएचसी जाहू, बगवाड़ा, महल, कड़ोहता, स्वास्थ्य उपकेंद्र उखली, दिम्मी, भलवाणी, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडखर, स्वास्थ्य उपकेंद्र अम्मण, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र समीरपुर और मोबाइल टीम जाहू। 20 नवंबर को इन स्थानों पर लगेंगे कोरोना रोधी टीके : मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर, सीएचसी गलोड़, स्वास्थ्य उपकेंद्र ब्राहलड़ी, पनसाई, पीएचसी कश्मीर, धनेड, मोबाइल टीम सलौणी, नागरिक अस्पताल नादौन, पीएचसी चौड़ू, सेरा, धनेटा, स्वास्थ्य उपकेंद्र बसारल, कलूर, मोबाइल टीम, नागरिक अस्पताल टौणी देवी, स्वास्थ्य उपकेंद्र अणु, झनियारा, पीएचसी कुठेड़ा, स्वास्थ्य उपकेंद्र भीड़ा, बोहनी, पीएचसी उहल, बचत भवन हमीरपुर, पीएचसी कोट, नागरिक अस्पताल सुजानपुर, पीएचसी चौरी, गुब्बर, चबूतरा, स्वास्थ्य उपकेंद्र धमडिय़ाणा, झरनोट, पीएचसी भोटा, सीएचसी बिझड़ी, स्वास्थ्य उपकेंद्र पैहरवीं, पीएचसी ननावां, चकमोह, मोबाइल टीम चकमोह, स्वास्थ्य उपकेंद्र हरसौर, पीएचसी बड़ाग्रां, नागरिक अस्पताल बड़सर, नागरिक अस्पताल भोरंज, पीएचसी भरेड़ी, जाहू, बलोखर, चंबोह, मैड़, स्वास्थ्य उपकेंद्र लुददर महादेव, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र लदरौर, स्वास्थ्य उपकेंद्र धमरोल, चौकी कनकरी-डिडवीं, कंजयाण-आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र हिम्मर और मोबाइल टीम कड़ोहता-मैड़। 21 नवंबर को इन स्थानों पर लगेंगे कोरोना रोधी टीके : मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर, पीएचसी सलौणी, नालटी, नागरिक अस्पताल सुजानपुर, नागरिक अस्पताल टौणी देवी, पीएचसी उहल और स्वास्थ्य उपकेंद्र नेरी।
पांच 'चिंतन शिविरों' की अध्यक्षता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रियों की प्रस्तुतियों और कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। इस शिविर में 77 मंत्रियों को आठ समूहों में बांटा गया, जिनमें से हर एक के लिए एक को समन्वयक चुना गया। बैठक को 'चिंतन शिविर' कहा गया, जो कार्य दक्षता और शासन-प्रशासन में समग्र सुधार के लिए एक चिंतन सत्र था। ऐसे कुल पांच सत्र आयोजित किए गए- व्यक्तिगत दक्षता, केंद्रित कार्यान्वयन, मंत्रालय के कामकाज और हितधारकों को जोड़ना, पार्टी समन्वय और प्रभावी संचार पर एक-एक और अंतिम संसदीय प्रथाओं पर सत्र आयोजित किया गया था। पहले सत्र में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मनसुख मंडाविया ने व्यक्तिगत दक्षता पर प्रस्तुतियां दीं, दूसरे का नेतृत्व पीयूष गोयल और गजेंद्र शेखावत ने किया, प्रस्तुति देने वाले अन्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी (कार्य और हितधारक), अनुराग सिंह ठाकुर (पार्टी समन्वय और प्रभावी संचार) और प्रल्हाद जोशी (संसदीय कार्य मंत्री ) थे। आखिरी बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू को भी विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। ये सभी बैठकें मुख्य रूप से मोदी सरकार की दक्षता और वितरण प्रणाली में सुधार पर केंद्रित थीं। स्मृति ईरानी ने उस समूह का नेतृत्व किया जो सभी मंत्रालयों की जानकारी देगा, मंडाविया कार्यालय निगरानी प्रणालियों पर ध्यान केंद्रित करेगा और हरदीप पुरी लर्निंग ग्रूप नेतृत्व किया। अनुराग सिंह ठाकुर को उस समूह का नेतृत्व करने का काम सौंपा गया है जो दूसरों के काम की समीक्षा करेगा, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, नरेंद्र सिंह तोमर और प्रल्हाद जोशी के नेतृत्व में कई अन्य समूह बनाए गए हैं। मोदी सरकार 'सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास' की नीति को आगे बढ़ाते हुए आगे बढ़ना चाहती है, ये बैठकें उन मंत्रियों के लिए महत्व रखती हैं जिन्हें कैबिनेट में फेरबदल के बाद सरकार में लाया गया था।
कांग्रेस नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की किताब 'सनराइज ओवर अयोध्या : नेशनहुड इन ऑवर टाइम्स' में हिंदुत्व की तुलना आईएसआईएस और बोको हराम जैसे कुख्यात आतंकी संगठनों से की गई है। इस किताब में हिंदुत्व को लेकर जो कुछ कहा गया है, उस पर विवाद हो गया है और खुर्शीद एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने इस किताब में हिन्दुत्व की तुलना आतंकी संगठन बोको हराम और आईएसआईएस से करने पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सिर्फ हिन्दू ही नहीं बल्कि भारत की आत्मा को भी ठेस पहुंचाती है। इस मामले में खुर्शीद के खिलाफ दिल्ली पुलिस से शिकायत भी की गई है। यूपी समेत 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव से पहले आई खुर्शीद की इस किताब पर उठा विवाद और ज्यादा तूल पकड़ सकता है। उधर, खुर्शीद के खिलाफ पार्टी के अंदर से भी विरोध की आवाज बुलंद होने लगी है। कांग्रेस के G-23 नेताओं की खिलाफत करने वाले सलमान खुर्शीद पर पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने सीधा हमला बोला है। आजाद ने खुर्शीद की पुस्तक का उल्लेख करते हुए ट्वीट किया, ‘हम भले ही हिंदुत्व को हिंदू धर्म की मिली जुली संस्कृति से अलग एक राजनीतिक विचारधारा मानकर इससे असहमति जताएं, लेकिन हिंदुत्व की तुलना आईएसआईएस और जेहादी इस्लाम से करना तथ्यात्मक रूप से गलत और अतिशयोक्ति है। सलमान खुर्शीद की किताब के जिस अंश पर सबसे ज्यादा विवाद हुआ है, वह है कट्टर जिहादी और कुख्यात आतंकी संगठनों से हिंदुत्व की तुलना। 'द सैफ्रन स्काई' नाम के खुर्शीद लिखते हैं, 'साधु-संत जिस सनातन धर्म और क्लासिकल हिंदुइज्म को जानते हैं, उसे किनारे करके हिंदुत्व के ऐसे वर्जन को आगे बढ़ाया जा रहा है। जो हर पैमाने पर आईएसआईएस और बोको हराम जैसे जिहादी इस्लामी संगठनों के राजनीतिक रूप जैसा है।' उनका कहना है कि हिंदुत्व का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया जाता है। चुनावी रैलियों में इसका जिक्र होता है। पर जो भी हो सलमान खुर्शीद द्वारा हिंदुत्व की तुलना आतंकी संगठनों से करना देश के करोड़ों हिन्दुओं को स्वीकार्य नहीं हो सकता। ये शर्मनाक है, ये अस्वीकार्य है और कोई भी तर्क देकर इसे जायज नहीं ठहराया जा सकता। हिंदुत्व सिर्फ धर्म नहीं है, ये जीने की पद्धति है।
जिला किन्नौर में 11 नवंबर से 13 नवंबर तक आयोजित उपमंडल स्तर का बाल विज्ञान सम्मेलन का रविवार को समापन हुआ। इस बाल विज्ञान सम्मेलन का शुभारंभ 11 नवंबर को शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक किन्नौर अशोक नेगी द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया था जबकि समापन परियोजना अधिकारी डाइट किन्नौर कुलदीप नेगी द्वारा किया गया। इस सम्मेलन में जिला के तीनों खंडों के लगभग 449 बाल वैज्ञानिकों ने ऑनलाइन भाग लिया। इस कार्यक्रम में मैथमेटिकल ओलंपियाड, प्रश्नोत्तरी, साइंस एक्टिविटी व साईंस मॉडल आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसके लिए तीन नियंत्रण कक्ष बनाए गए थे। विज्ञान पर्यवेक्षक गणेश नेगी ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे बाल विज्ञानक 7,8 व 9 दिसंबर को अपने खंड का प्रतिनिधित्व करेंगे तथा साईटिफिक परियोजना रिपोर्ट के अनुसार जिला स्तर पर भाग लेंगे।
गढ़चिरौली के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुए मुठभेड़ में महाराष्ट्र पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। इस मुठभेड़ में महाराष्ट्र पुलिस की C-60 युनिट ने 26 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। मुठभेड़ में पुलिस के चार जवान घायल हुए हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है. बड़ी मात्रा मे नक्सल सामग्री बरामद हुई है। इलाके का मुआयना किया जा रहा है। कई और नक्सलियों के मारे जाने की उम्मीद है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस की कमांडो टीम को सूचना मिली थी कि कुछ नक्सली छत्तीसगढ़ के जंगलों से गढ़चिरौली जाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई से करीब 920 किलोमीटर दूर जिले के ग्यारहबत्ती वन क्षेत्र के धनोरा में शनिवार सुबह पुलिस की टीम के तलाशी अभियान के दौरान मुठभेड़ शुरू हुई।
महाराष्ट्र के अमरावती में ‘बंद’ के दौरान हिंसा की घटनाओं के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया और इंटरनेट सेवाएं भी तीन दिनों तक बंद कर दी गईं। पुलिस ने बताया कि बीजेपी की ओर से कथित तौर पर बुलाए गए बंद के दौरान शनिवार सुबह उग्र भीड़ ने दुकानों पर पथराव किया। त्रिपुरा में हुई सांप्रदायिक घटना के विरोध में अमरावती में मुस्लिम संगठनों द्वारा शुक्रवार को आयोजित रैली के दौरान हुए पथराव के विरोध में शनिवार को बंद का आह्वान किया गया था। शुक्रवार और शनिवार को पथराव की घटनाएं होने के बाद किसी अप्रिय घटना को टालने के लिए, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संदीप पाटिल ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 (1), (2), (3) के तहत शहर में कर्फ्यू लगा दिया, आदेश के अनुसार, चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति को छोड़कर लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है और किसी एक जगह पर पांच से ज्यादा लोगों के एकत्र होने की भी इजाजत नहीं है। त्रिपुरा में हुई घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को मुस्लिम संगठनों ने अमरावती, नांदेड़, मालेगांव, वाशिम और यवतमाल में रैलियां निकाली थीं और इस दौरान पथराव की घटनाएं हुई थीं। शुक्रवार को हुई घटनाओं के संबंध में पुलिस ने अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया है और चार अन्य को हिरासत में लिया है।
मणिपुर में सेना की टुकड़ी पर आईडी हमले की खबर सामने आई है। असम राइफल्स के सीओ समेत 4 जवान शहीद हो गए। वहीं, अफसर के परिवार के दो सदस्यों की भी मौत इस हमले में हो गई। बताया जा रहा है कि मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के सिंघाट में यह हमला हुआ है। यहां असम राइफल्स के कमांडिंग आफिसर के काफिले पर आतंकियों ने हमला किया। काफिले में कमांडिंग ऑफिसर के परिवार के सदस्य और क्विक एक्शन टीम के सदस्य मौजूद थे। आतंकी हमले में सीओ, क्विक एक्शन टीम के तीन जवान और सीओ के परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई।
देश की आजादी को लेकर अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा दिए गए विवादित बयान की अब हर तरफ निंदा हो रही है। शनिवार को मंडी जिला में एनएसयूआई संगठन ने कंगना रनौत का पुतला जलाकर जमकर नारेबाजी की और पदमश्री पुरुस्कार कंगना से वापिस लेने के नारे लगाए गए। एनएसयूआई के जिला महासचिव अरविंद कुमार ने कहा कि जिस तरह से अभिनेत्री कंगना रनौत ने देश की आजादी को लेकर विवादित बयान दिया है उसे पूरे प्रदेश में आक्रोश है। इस मौके पर हरविंदर कुमार ने बताया कि कंगना रनौत ने देश के हजारों स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान किया है और अगर वह जल्दी अपने बयान पर सार्वजनिक तौर पर माफी नहीं मानती हैं तो इसके खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी आग्रह किया है कि देश के खिलाफ बोलने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनसे पदमश्री अवार्ड को भी वापिस लेना चाहिए।
प्रदेश हाईकोर्ट ने जेबीटी बैचवाइज भर्ती मामले पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। जस्टिस तरलोक सिंह चौहान और जस्टिस सत्येन वैद्य की खंडपीठ ने पुष्पा देवी व अन्यों द्वारा दायर याचिकाओं पर हुई सुनवाई के पश्चात फैसला सुरक्षित रख लिया। प्रार्थियों का कहना है कि वे बीएड पास हैं और 28 जून 2018 की एनसीटीई की अधिसूचना के तहत जेबीटी के इन पदों के लिए वे पात्रता रखते हैं। परन्तु सरकार उन्हें इस अधिसूचना का लाभ नहीं दे रही है। याचिकाकर्ताओं ने मांग की है कि उन्हें भी जेबीटी बैचवाइज भर्ती के लिए साक्षात्कार के लिए बुलाया जाए व इन पदों के लिए कंसीडर किया जाए।
पिछले महीने त्रिपुरा में हुई हिंसा के खिलाफ महाराष्ट्र के अमरावती में प्रदर्शन हो रहे हैं। कल कुछ संगठनों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ अज्ञात व्यक्तियों की ओर से दुकानों पर पथराव करने के बाद इलाके के कई हिस्सों में तनाव फैल गया है। इस घटना को लेकर आज बीजेपी ने बंद बुलाया है। बंद के दौरान हिंसा की कई घटनाएं हुईं है। जिसके बाद एनसीपी नेता और महाराष्ट्र में मंत्री नवाब मलिक ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
तमिलनाडु के चेन्नई व अन्य हिस्सों में मूसलाधार बारिश आफत बन कर सामने आयी है। तमिलनाडु में बारिश के कारण मवेशियों का भी बुरा हाल है। सप्ताह भर से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण लोगों के पास रहने और खाने की समस्या हो गई है। आसमानी आफत से लोगो का जीवन पूरी तरह से बिखर चुका है। बारिश थमने का नाम नहीं ले रही और बड़ी संख्या में लोग बेघर हो गए हैं। इस के बीच राहत भरी खबर यह है कि तमिलनाडु में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में इंसानों के साथ ही साथ जानवरों को भी बचाने का ऑपरेशन शुरू हो चुका है। पूरे तमिलनाडु में अब तक 15 हजार से ज्यादा लोगों को बचाया गया है, इन्हें 290 से अधिक राहत केंद्रों में रखा गया है। बड़ी संख्या में जानवरों को बचाया जा रहा है। पूर्वोत्तर में सक्रिय मानसून केरल के लिए खतरा बन रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने 13 नवंबर को केरल के छह जिलों और 14 नवंबर को पांच जिलों में भारी बारिश के संकेत दिए हैं। विभाग की ओर से इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। इस गंभीर मुद्दे पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर नाराजगी जाहिर की है। मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना ने कहा कि वायु प्रदूषण से दिल्ली-एनसीआर में गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। हमें घर पर भी मास्क पहनना पड़ेगा। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से पूछा कि प्रदूषण से निपटने के लिए उसने क्या कदम उठाए हैं। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि दिल्ली में लॉकडाउन लगाने पर भी विचार हो।
कोविड प्रोटोकॉल में रेलवे ने ट्रेनों को स्पेशल कैटेगरी में चलाने की शुरुआत की थी। लेकिन भारतीय रेल 20 महीने के बाद एक बार फिर से कोविड-19 के समय में उठाए गए कदम को वापस ले रही है। अब ट्रेनें कोविड-19 से पहले की तरह सामान्य चलेगी और किराया भी पहले की तरह होगा। भीड़ को नियत्रण करने के उद्देश्ये से स्पेशल कैटेगरी ट्रेनों का किराया सामान्य ट्रेनों के मुकाबले 30 प्रतिशत ज्यादा होता है। ट्रेनों में अब 0 भी नहीं लगेगा और वे पुराने नंबर से ही चलेंगी। सेकेंड क्लास में कोविड के चलते आरक्षण अब भी जरूरी होगा। हालांकि रेलवे का कहना है कि मुसाफिरों के लिए सावधानी अब भी जरूरी है। फिलहाल 95 फीसदी मेल एक्सप्रेस ट्रेनें पटरी पर लौट चुकी हैं। लेकिन इनमें से करीब 25 फीसदी ट्रेनें अभी भी स्पेशल कैटेगरी में चल रही हैं और इन ट्रेनों में 30 फीसदी ज्यादा किराया लागू है। इसके अलावा पैसेंजर ट्रेनों में भी करीब 70 फीसदी ट्रेनों को मेल एक्सप्रेस का दर्जा दिया गया है, जिससे उनके लिए भी मुसाफिरों को ज्यादा किराया चुकाना पड़ता है। रेलवे ने कोविड की वजह से उठाए गए कदम वापस ले लिए हैं। लेकिन रेलवे ने अपने ताज़ा आदेश में अभी ट्रेनों में कम्बल, चादर और तकिया यानी बेड रोल की वापसी की बात नहीं की है तथा इसके साथ ही रेलवे ने ट्रेनों में ताज़ा पका खाना फिर से देने की बात भी नहीं कही है।
26 जनवरी 2022 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के दौरान आजादी का अमृत महोत्सव थीम पर झांकियां बनाई जानी है। प्रदेश के भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से प्रदेश के पहले गोलीकांड की झांकी बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है। शुक्रवार को देश भर से आई झांकियों के प्रस्तावों को लेकर छंटनी बैठक हुई। पहले चरण की बैठक में हिमाचल सरकार का डिजाइन पास हो गया है। शनिवार को दूसरे दौर की बैठक में डिजाइन में और सुधार करने पर मंथन होगा। नवंबर के अंत में झांकी को परेड में शामिल करने का अंतिम फैसला होगा। हिमाचल प्रदेश के धामी गोलीकांड की झांकी गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बन सकती है। इस बैठक में हिमाचल सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। अब झांकी के मॉडल को चयन समिति को भेजा जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि छंटनी बैठक में हिमाचल का प्रस्ताव पास होने से उम्मीदें बढ़ गई हैं। स्वतंत्रता संग्राम में धामी गोलीकांड विशेष महत्व रखता है। हिमाचल से ब्रिटिश हुकूमत की दमनकारी नीतियों के खिलाफ यहां के लोगों ने आंदोलन का जो बिगुल फूंका था। इसकी गूंज पूरे देश में सुनाई पड़ी थी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज एक विशेष समारोह में साल 2021 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान करेंगे। केन्द्रीय युवा कल्याण और खेल मंत्रालय की ओर से हर साल खेल में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। इस साल ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा समेत 12 खिलाडियों को मेजर ध्यानचंद खेलरत्न पुरस्कार, 35 खिलाडियों को अर्जुन पुरस्कार, 10 को द्रोणाचार्य पुरस्कार और 5 खिलाडियों को ध्यानचंद जीवनगौरव पुरस्कार दिए जायेंगे। दो संस्थाओं को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार से पुरस्कृत किया जायेगा।


















































