हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले जरूरतमंद बच्चों को एक क्लिक से स्मार्ट फोन देने की योजना शुरू हो गई है। शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने सचिवालय से स्मार्ट फोन डोनेट करने की वेबसाइट का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम वर्चुअल तौर पर जुड़े। योजना शुरू होने से पहले ही उद्योगपतियों और बैंकर्स ने शिक्षा विभाग को 1150 स्मार्ट फोन दे दिए हैं। कोरोना संकट के चलते प्रदेश में मार्च 2020 से बंद चल रहे स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई करवाई जा रही है। कमजोर वर्ग के कई विद्यार्थियों की स्मार्ट फोन न होने के चलते पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसको देखते हुए समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना कार्यालय ने समाज की सहभागिता से ऐसे विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट फोन एकत्र करने को योजना शुरू की है। योजना को डिजिटल साथी-बच्चों का सहारा, फोन हमारा अभियान का नाम दिया गया है।
फिल्म और टेलीविजन में अपनी खास पहचान बना चुकीं सुरेखा सीकरी ने शुक्रवार यानी 16 जुलाई को 75 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। मशहूर सीरियल बालिका वधू में दादी सा की भूमिका निभाने वाली सुरेखा के निधन से हिंदी टीवी जगत में शोक की लहर है। बता दें कि 73 साल की उम्र में उन्होंने अपना पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड जीता। सुरेखा सीकरी को यह अवॉर्ड 'बधाई हो' फिल्म के लिए मिला है। इस फिल्म में सुरेखा ने दादी का किरदार निभाया था। इस फिल्म में न केवल सुरेखा के डायलॉग जबरदस्त थे बल्कि उनकी एक्टिंग का भी कोई तोड़ नहीं था। सीकरी ने ‘तमस’, ‘मम्मो’, ‘सलीम लंगड़े पे मत रो’, ‘ज़ुबेदा’, ‘बधाई हो’ जैसी फिल्में की हैं और धारावाहिक ‘बालिका वधू’ में निभाए उनके ‘दादी सा’ के किरदार को भी काफी लोक्रपियता मिली थी। सुरेखा सीकरी को टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री में कुल 43 साल बिताए। इस लंबे सफर में सुरेखा सीकरी ने कॉमेडी से लेकर गंभीर हर किरदार में ऐसी ढली की वह सभी के लिए मिसाल बन गई। सुरेखा सीकरी थियेटर आर्टिस्ट भी थी। साल 1978 में सुरेखा ने राजनीतिक ड्रामे पर आधारित फिल्म 'किस्सा कुर्सी का' से करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कई सारी हिंदी और मलयालम फिल्मों के अलावा टीवी सीरियल किए।
सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार से कांवड़ यात्रा को अनुमति देने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है। कोर्ट ने साफ-साफ कहा है कि यूपी सरकार अपने आदेश पर पुनर्विचार करें, नहीं तो हमको जरूरी आदेश देना पड़ेगा। हालांकि सुनवाई से पहले केंद्र सरकार ने हलफनामा दायर कर कहा कि वो इस वक्त कांवड़ यात्रा के पक्ष में नहीं है। हलफनामे में केंद्र ने कहा कि कांवड़ लेकर अपने इलाके के मंदिर में जाने से बेहतर होगा कि टैंकर के जरिए जगह-जगह गंगाजल पहुंचाया जाए। केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर किया कि कोविड के मद्देनजर राज्य सरकारों को हरिद्वार से 'गंगा जल' लाने के लिए कांवड़ियों की आवाजाही की अनुमति नहीं देनी चाहिए। हालांकि धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकारों को टैंकरों के माध्यम से 'गंगा जल' उपलब्ध कराने चाहिए। टैंकर चिन्हित/निर्धारित स्थानों पर उपलब्ध हों ताकि आस-पास के भक्त 'गंगा जल' को इकट्ठा कर सकें और अपने नजदीकी शिव मंदिरों में 'अभिषेक' कर सकें। इस दौरान राज्य सरकारों को सुनिश्चित करना चाहिए कि कोरोना नियमों का पालन किया जाए।
हिमाचल प्रदेश में गुरुवार से आधिकारिक रूप में सेब सीजन शुरू हो गया है। शिमला की ढली मंडी और ठियोग की पराला मंडी से करीब 88000 पेटी सेब देश की बड़ी मंडियों को रवाना की जा चुकी हैं। अर्ली वैरायटी की करीब एक लाख पेटियां अब तक मार्केट में पहुंच चुकी हैं। पिछले सीजन में इस समय 60000 पेटी मंडियों में पहुंची थी। इससे पहले कुल्लू के बागवान अपने स्तर पर ही क्रेट में सेब बेच रहे हैं। अब ऊपरी शिमला के बागवानों को राहत तो मिलेगी ही इसके साथ ही वे आर्थिक नुकसान से भी बचेंगे। नई व्यवस्था से बागवानों को प्रति किलो 7 रुपये लाभ मिलेगा। बागवानों को यह क्रेट बाजारों में 90 रुपये के दाम पर मिलेगा। हालांकि, कुछ बागवान नाराज हैं कि यह सेब का नहीं टमाटर का क्रेट है। इसमें नया कुछ नहीं है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस अब राज्य की सीमा में दाखिल होने से पहले पर्यटकों के वाहनों की तलाशी लेगी। डीजीपी संजय कुंडू ने हाल के दिनों में पर्यटकों के हंगामा करने और लाठी व तलवारों से लोगों को नुकसान पहुंचाने के मामलों के सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों को पर्यटकों की तलाशी लेने के निर्देश जारी कर दिए हैं। नाकों पर तैनात अधिकारियों को कोई संदिग्ध लगता है तो उसकी तलाशी लिए बिना प्रदेश में प्रवेश न करने दें। इन घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। कुंडू ने बताया कि चेकिंग के लिए अतिरिक्त फोर्स भी जिलों को मुहैया कराई जा चुकी है।
विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया और उनकी एचएएस पत्नी के बीच झगड़े का मामला अब धर्मशाला कोर्ट में पहुंच गया है। कोर्ट ने विधायक नैहरिया को 31 अगस्त को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा है। इसके लिए उन्हें कोर्ट से नोटिस जारी किया गया है। गौरतलब है कि पिछले माह सुर्खियों में रहा विधायक और उनकी पत्नी के बीच चला विवाद अब न्यायालय पहुंच गया है। एचएएस पत्नी ने एसपी कांगड़ा के पास पति विधायक विशाल नैहरिया के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत कर सुरक्षा की मांग की थी। अब उन्होंने विधायक पति से कानूनी रूप से अलग होने की मांग करते हुए याचिका दायर की है।
गुरुवार को सोना वायदा भारी उतार चढ़ाव के साथ बंद हुआ। गुरुवार को इंट्रा डे में सोना 48500 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऊपर भी गया था। आज सोना अगस्त वायदा 100 रुपये की हल्की कमजोरी के साथ 48300 के लेवल पर कारोबार कर रहा है। सोना इस हफ्ते अबतक 500 रुपये प्रति 10 ग्राम तक महंगा हो चुका है। पिछले साल कोरोना संकट की वजह से लोगों ने सोने में जमकर निवेश किया था, अगस्त 2020 में MCX पर 10 ग्राम सोने का भाव 56191 रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। आज सोना अगस्त वायदा MCX पर 48300 रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल पर है, यानी अब भी करीब 7900 रुपये सस्ता मिल रहा है। चांदी का सितंबर वायदा गुरुवार को इंट्रा डे में 69889 रुपये प्रति किलो तक गया था, अंत में करीब 280 रुपये की मजबूती के साथ 69680 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ। आज भी चांदी वायदा करीब 100 रुपये की मजबूती दिखा रहा है। इस हफ्ते चांदी अबतक करीब 400 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है। लेकिन एक बार भी 70,000 रुपये के पार क्लोजिंग नहीं हुई है।
मुंबई में आज सुबह से रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है जिसके चलते कई निचले इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है। अंधेरी, कुर्ला, हिंदमाता, सायन, और चेंबूर में सड़कों पर पानी भर गया है। पानी की वजह से अंधेरी सबवे और मलाड सबवे को बंद करना पड़ा है। बारिश का लोकल ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा। हार्बर लाइन पर सीएसटी और मानखुर्द के बीच लोकल सेवा ठप पड़ गई है। गोरेगांव के शास्त्रीनगर में बारिश के चलते कॉलोनी में कमर तक पानी भर गया है। कई गाड़ियां डूब गई हैं।विद्याविहार-कुर्ला के बीच लोकल देरी से चल रही है। ट्रांस हार्बर लाइन पर भी लोकल 20-25 मिनट लेट है। मौसम विभाग ने आज भारी बारिश की चेतावनी दी है, कुछ जगहों पर बहुत ज्यादा बारिश भी हो सकती है। भारी बारिश की वजह से मुंबई में मीठी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए नदी के पास रहने वाले करीब 12 सौ लोगों को बीएमसी स्कूल में शिफ्ट किया गया है।
कोरोना के बाद अब प्रदेशवासियों को प्रकृति की मार झेलनी पड़ रही। बीते दिनों से हो रही बारिश से लोगों का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में भारी बारिश का कहर देखने को मिला है। सैंज में बादल फटने से बाढ़ आ गई। जिससे नदी और नाले उफान पर हैं। एक गांव में घरों में मलबा घुस गया है। कुल्लू जिले में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। नदी-नाले उफान पर हैं। वहीं, कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। फिलहाल सड़कें खोलने का काम शुरू हो गया है। जानकारी के अनुसार, कुल्लू जिला की सैंज में भारी बारिश से ग्राम पंचायत भलाण-2 के जौली नाले में बाढ़ आ गई। बताया जा रहा कि गांव बाल-बाल बच गया है। रात करीब 3 बजे बाढ़ आने से अफरा तफरी मच गई। गनीमत ये है कि घटना में जान-माल का नुकसान नहीं है। लोगों की खड़ी फसल को नुकसान हुआ है। गांव के पांच घरों में नाले का मलबा घुस गया है।
केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के विजन पर हिमाचल में काम शुरू हो गया है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी और पर्यटन विभाग ने मंथन शुरू कर दिया है। प्रदेश में अब जो भी नेशनल हाईवे और फोरलेन बनेंगे, उनके किनारों पर ऐसे स्थान तलाशे जाएंगे, जहां पर्यटन की संभावनाएं विकसित हों। स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। हाल ही में अपने कुल्लू दौरे के दौरान गडकरी ने इस संबंध में हिमाचल सरकार को टिप्स दिए थे। जिन पर काम शुरू हो गया है। आगामी कैबिनेट की बैठक में इस मामले को लाया जा सकता है। नितिन गडकरी ने कहा था कि प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। हिमाचल प्रदेश स्विट्जरलैंड से कम नहीं है, पर यह तब तक विकसित नहीं होगा, जब तक यहां पर सड़कें दुरुस्त नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट में लाए। केंद्र सरकार की ओर से इसमें भरपूर मदद की जाएगी।
हिमाचल में15 जुलाई से 5000 करोड़ के सेब सीजन में तेजी आएगी। प्रदेश में सेब ढुलाई के लिए ट्रकों की आवाजाही को सुचारु करने के लिए दो नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दिए हैं। प्रदेश में पिछले साल ढाई करोड़ पेटी सेब का उत्पादन हुआ था। इस बार सीजन में करीब चार करोड़ पेटी सेब पैदावार होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। सेब सीजन में बागवानों को कार्टन की दिक्कत न हो और सेब ढुलाई के लिए ट्रकों की समस्या न रहे इसके लिए सरकार ने व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। लदानियों का पंजीकरण किया जा रहा है और क्रेटों की बिक्री पर भी अंतिम फैसला लिया जाना है ताकि बागवानों को कार्टन पर निर्भर न रहना पड़े।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में औट-बंजार-सैंज हाइवे-305 स्थित सोझा के जलोडा के पास पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रेवलर खाई में गिरने से बच गई। हादसा बुधवार रात को हुआ है, जब गुड़गांव के दस पर्यटक जलोड़ी दर्रा से बंजार की तरफ आ रहे थे। इस दौरान जब वह जिभी वापिस आ रहे थे तो गाड़ी की ब्रेक फेल हो गई। गाड़ी सड़क से नीचे लुढ़कने से बच गई और सभी पर्यटक सुरक्षित हैं। हादसे में चालक घायल हुआ है जो बंजार अस्पताल में भर्ती है।
कोरोना वायरस की दूसरी लहर से राहत मिलने के बाद हिमाचल प्रदेश में पाबंदियों में छूट दी गई है। इस दौरान यहां सैलानी भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। इस बीच पर्यटकों द्वारा बीच सड़क पर तलवार लहराने का वीडियो सामने आया है। मनाली में देर रात के समय पर्यटकों ने आवेरटेक कर गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी कर दी, जिससे सड़क पर जाम लग गया। अन्य लोगों ने जब गाड़ी हटाने को कहा तो गाड़ी में सवार पर्यटकों ने तलवारें निकाल कर लोगों पर हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि चार पर्यटकों को तलवारों से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। आरोपियों पर आईपीसी और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बलद्वाड़ा के प्लासी में ट्रक और कार की टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। यह हादसा गुरुवार सुबह बलद्वाड़ा बाजार से मात्र दो किलामीटर दूर प्लासी पुल के पास हुआ। घुमारवीं-सरकाघाट नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे में खुडला पंचायत निवासी 60 वर्षीय प्रेम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खुडला के ही अन्य पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं, जिन्हें पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक ट्रक जाहू से प्लासी की ओर आ रहा था और कार घुमारवीं की तरफ से जा रही थी जिसमें छह लोग सवार थे। सभी लोग खुडला पंचायत के गांव खुडला के रहने वाले हैं। घायलों में सुमित कुमार, सुषमा देवी, अभिषेक और दो बच्चे प्रियांशु और रूजल शामिल हैं। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी हटली उधम सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन की जा रही है। उधर, प्रशासन की तरफ से नायब तहसीलदार बाल कृष्ण ने मौके पर सभी मृतक सहित घायलों के परिजनों को 40 हजार रुपये की राशि प्रदान की है।
इंडियन स्पेस रिसर्च आर्गेनाइजेशन ने बुधवार को भारत के गगनयान मिशन से जुड़ा बड़ा टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा किया है। यह तीसरा टेस्ट था जो कि अब तक का सबसे लंबी अवधि तक सफल रहा। गगनयान मिशन को लॉन्च करने के लिए इसी विकास इंजन का इस्तेमाल किया जाएगा। बता दें कि गगनयान मिशन भारत का सबसे महत्वाकांक्षी मिशन है। जिसके जरिए भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष तक भेजा जाएगा। इन यात्रियों को पृथ्वी की निचली कक्षा में भेज और उन्हें वापस धरती पर लाने की क्षमता प्रदर्शित करना है। भारत ने इस मिशन की तैयारी 2014 में ही कर ली थी जब जीएसएलवी मार्क 3 के जरिए मॉड्यूल को टेस्ट किया गया था। तारीख थी 18 दिसंबर 2014, मॉड्यूल का नाम CARE रखा गया था CARE यानी क्रू मॉड्यूल एटमॉस्फेरिक री एंट्री एक्सपेरिमेंट जो कि अंतरिक्ष तक पहुंच कर धरती की सतह पर लौट आया था जिसके बाद उस कैप्सूल को बंगाल की खाड़ी में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पास से रिट्रीव किया गया था। जिसके बाद से लगातार गगनयान मिशन को लेकर ट्रेनिंग और टेस्ट का सिलसिला जारी है। ISRO ने बुधवार को जब इसकी जानकारी देने के लिए ट्वीट किया तो उस पर एलन मस्क ने भी कॉमेंट कर "बधाई भारत" कहा। गगनयान मिशन अंतरिक्ष भेजे जाने वाला देश का पहला मानवयुक्त मिशन है। इसे लिक्विड प्रोपेलेंट इंजन विकास की मदद से लॉन्च किया जाएगा। यही कारण है कि इसका बार-बार टेस्ट किया जा रहा है। अब तक तीन टेस्ट किए जा चुके हैं। जिसमें कल किया गया टेस्ट अब तक के लंबे ऊष्ण टेस्ट कोर L110 लिक्विड स्टेज के लिए 240 सेकंड्स तक किया गया था। यह टेस्ट तमिलनाडु के महेंद्रगिरी के इसरो प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स में किया गया। गगनयान स्पेस प्रोग्राम के लिए चार भारतीय अंतरिक्ष यात्री रूस में स्पेस फ्लाइट ट्रेनिंग भी लेने गए थे। मैन मिशन से पहले तीन मानवरहित टेस्ट मिशन लॉन्च किए जाने है। जिसकी डेडलाइन इस साल के अंत और दो 2022 में होने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2018 को स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में गगनयान मिशन की घोषणा की थी। हाल ही में वर्जिन गैलेक्टिक मिशन के बाद स्पेस टूरिज्म को लेकर विश्व भर चर्चा शुरू हो चुकी है ऐसे में सवाल यह भी कि आखिर भारत स्पेस टूरिज्म का कहा खड़ा है। जायर है भारत के पहले मानव मिशन के बाद हमारे देश में भी स्पेस टूरिज्म को पंख मिलेंगे। साथ ही भारत अपना खुद का स्पेस स्टेशन बनाने जा रहा है। यहीं कारण है कि इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन की सूची में अपना नाम नहीं दिया।
धर्मांतरण करवाने को लेकर एक अजीब मामला सामने आया है। यह मामला चंडीगढ़ का है। इस घटना में चंडीगढ़ जिला अदालत में एक 36 वर्षीय सिख व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके रिश्तेदारों के खिलाफ याचिका दायर कर कहा है कि उसके बेटे को जबरन इस्लाम धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। पति ने कोर्ट में बताया है कि उसकी पत्नी इस्लाम धर्म को मानती है। उन्होंने अपनी चाकिका में मांग की है कि उनकी पत्नी को ऐसा न करने का निर्देश जारी किया जाए। शख्स ने कोर्ट को बताया है कि वह धर्म और जन्म से सिख है जबकि उसकी पत्नी और ससुराल वाले जन्म से मुस्लिम हैं। सिख शख्स ने बताया है कि वह चंडीगढ़ का ही रहने वाला है। याचिका में कहा गया है कि वह अपना धर्म नहीं बदलना चाहता है। सिविल जज रसवीन कौर की कोर्ट ने बचाव पक्ष को इस मामले में नोटिस जारी किया है। जज रसवीन कौन ने इस मामले में 20 जुलाई तक दूसरे पक्ष से जवाब दाखिल करने की बात कही है। बता दें कि दोनों की लव-मैरिज हुई है। याचिका में बताया गया है कि दोनों की सहमति के बाद अमृतसर के गुरुद्वारा साहिब में विवाह संपन्न करवाया गया था। याचिकाकर्ता का कहना है कि उन्हें इस बात का बिलकुल भी अंदाजा नहीं था कि शादी के बाद सिख धर्म छोड़ने के लिए मजबूर किया जा सकता है।
अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना काल के दौरान योगी सरकार के प्रयासों की जमकर सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पूरे देश में कोरोना की सबसे ज़्यादा टेस्टिंग करने वाला राज्य है। आज उत्तर प्रदेश पूरे देश में सबसे ज़्यादा वैक्सीनेशन करने वाला राज्य भी है। उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर को यूपी ने बहुत अच्छी तरह से संभाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोरोना वायरस के बदलते हुए और खतरनाक रूप ने पूरी ताकत के साथ हमला किया था। लेकिन काशी सहित यूपी ने पूरे सामर्थ्य के साथ इतने बड़े संकट का मुकाबला किया। कोरोना से निपटने में उत्तर प्रदेश के प्रयास उल्लेखनीय हैं। उन्होंने कहा कि काशी नगरी आज पूर्वांचल का बहुत बड़ा मेडिकल हब बन रही है। जिन बीमारियों के इलाज के लिए कभी दिल्ली और मुंबई जाना पड़ता था, उनका इलाज आज काशी में भी उपलब्ध है।
भारत में आज सोने की कीमत में 10 रुपये प्रति 10 ग्राम की मामूली तेजी आई है. गुड रिटर्न्स वेबसाइट द्वारा उपलब्ध कराई गई दरों के अनुसार, 22 कैरेट प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत 47,090 रुपये और 24 कैरेट 10 ग्राम सोने का भाव 48,090 रुपये है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर गुरुवार को सोने की कीमतें बिल्कुल सपाट कारोबार कर रही हैं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अगस्त में सोने का अनुबंध 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 48,266 रुपये 10 ग्राम पर 15 जुलाई को 9.05 बजे बंद हुआ। हालांकि, एक अन्य कीमती धातु चांदी गुरुवार को घरेलू बाजार में उछल गई. सितंबर का चांदी वायदा 0.08 रुपए बढ़कर 69,468 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया है। वंही, अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुरुवार को सोने के भाव सपाट रहे। रॉयटर्स के अनुसार, हाजिर सोना 0050 GMT तक 1,824.81 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर था। वहीं अमेरिकी सोना वायदा 0.1% की तेजी के साथ 1,826.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल ने कहा कि मुद्रास्फीति रीडिंग में हालिया स्पाइक के बावजूद केंद्रीय बैंक अपनी उदार मौद्रिक नीति जारी रखेगा।
कश्मीर में खात्मे की कगार पर पहुंच चुके आतंकी संगठन अब जम्मू संभाग को निशाना बनाने की साजिशें रच रहे हैं। इसके लिए सीमा पार से ड्रोन का सहारा लिया जा रहा है। जम्मू में एक बार फिर से ड्रोन दिखाई दिया है। जम्मू एयरफोर्स स्टेशन के पास बुधवार रात को एक ड्रोन को देखा गया है। जिसके बाद सुरक्षाबल सतर्क हो गए। इससे पहले भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अरनिया और हीरानगर सेक्टर में पाकिस्तानी ड्रोन की संदिग्ध गतिविधि से हड़कंप मच गया था। अरनिया सेक्टर में बीएसएफ के जवानों ने आसमान में लाल रंग की लाइट देखते ही फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि यह पाकिस्तान ड्रोन था, जिसे वापस खदेड़ दिया गया। वहीं कठुआ के हीरानगर सेक्टर में स्थानीय लोगों ने ड्रोन जैसी आवाज सुनी। आसमान में पीले रंग की लाइट भी देखी। दोनों ही जगह एहतियातन तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन कोई भी आपत्तिजनक सामग्री या सुराग नहीं लगा।
अरुणाचल प्रदेश के एक सुदूर गांव के 16 चरवाहे मई में कोरोना टीकाकरण शिविर में शामिल नहीं हो सके। लगभग दो महीने बाद, स्वास्थ्य अधिकारियों ने लुगथांग गांव में उन्हें टीका लगाने के लिए सोमवार को समुद्र तल से 14,000 फीट से अधिक ऊंचाई तक पहुंचने के लिए नौ घंटे से अधिक समय तक ट्रैकिंग की। राज्य के ट्वांग जिले के डोमस्टांग में 19 मई को आयोजित टीकाकरण शिविर में चरवाहे नहीं पहुंच सके थे। इसके बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने खुद जाने का फैसला किया। टीम ने अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए थिंगबू हाइडल नामक स्थान पर निकटतम मोटर योग्य सड़क से ट्रैकिंग की। मौके पर पहुंचने के बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने अगली सुबह ग्रामीणों के साथ एक छोटी बैठक की, जिला प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य अधिकारी रिनचिन नीमा द्वारा 16 चरवाहों को टीका लगाया गया। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी थुतन ताशी ने पशुओं के लिए अतिसार, कृमिनाशक और अन्य बीमारियों के लिए भी मुफ्त दवाएं दीं। लुगुथांग तिब्बत के साथ सीमा के करीब है और ट्वांग से हवाई रूप से 30 किमी दूर है। गांव के 65 लोगों सहित सभी 10 परिवार याक चराने वाले हैं। अरुणाचल के अधिकारियों ने 16 चरवाहों को टीका लगाने के लिए 9 घंटे से 14,000 फीट की दूरी तय की पेमा खांडू ने दूरदराज के समुदायों तक वैक्सीन पहुंचाने के लिए फ्रंटलाइन वर्कर्स प्रशंसा की। लगातार बारिश ने यात्रा में देरी की कोशिश की लेकिन उपायुक्त सांग फुंटसोक ने 16 छोड़े गए चराई के साथ तारीख रखने के लिए दृढ़ संकल्प किया।
केंद्रीय कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर आयी है। मंहगाई भत्ते पर लगी रोक को आज हटा लिया गया है। इसके साथ ही तीन किश्तों को मिलाकर 11% महंगाई भत्ता बढ़ाने का भी फैसला हुआ है। यह फैसला आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। पिछले साल कोरोना की शुरुआत में लगी रोक थी। महंगाई भत्ते की तीन किस्तों पर लगी रोक लगाई गई था। इसी रोक को हटाने का फ़ैसला लिया गया है। आज के फ़ैसले के मुताबिक़ 1 जनवरी 2020, 1 जुलाई 2020 और 1 जनवरी 2021 से लागू होने वाली तीनों किस्तों पर लगी रोक हटा दी गई है। रोक हटने के बाद तीनों किस्तों को मिलाकर कुल 11 फ़ीसदी की बढोत्तरी होगी. यानि महंगाई भत्ते की दर वर्तमान के 17 फ़ीसदी से बढ़कर 28 फ़ीसदी हो जाएगी। सरकार के इस फैसले से केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारियों को फ़ायदा होगा। दरअसल कोरोना शुरू होने के बाद से महंगाई भत्ते की बढोत्तरी पर रोक लगी हुई थी। पिछले साल कोरोना महामारी शुरू होने के बाद अप्रैल के महीने में केंद्रीय कैबिनेट ने सरकारी कर्मचारियों को मिलने वाले महंगाई भत्ते की दो किस्तों को जारी करने पर रोक लगा दी थी। चूंकि महंगाई भत्ते की क़िस्त हर छह महीने पर जारी की जाती है। एक बार 1 जनवरी से जबकि दूसरी बार 1 जुलाई से। दरअसल बढ़ती महंगाई से वस्तुओं के दाम बढ़ते जाते हैं और लोगों के पास मौजूद पैसे की क्रय क्षमता को कम करने लगते हैं। इसका सामना करने के लिए सरकार कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देती है ताकि लोग बढ़ते हुए खर्चों का सामना कर सकें और अपनी जरूरत की चीजों को दाम बढ़ने के बावजूद भी खरीद पाएं।
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बीते कई वर्षों से सेवाएं दे रहे 2555 एसएमसी शिक्षकों का भविष्य सुरक्षित करने को सरकार जल्द नीति बनाएगी। ये शिक्षक प्रदेश के उन दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं, जहां जाने से नियमित शिक्षक कतराते रहे हैं। शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने उच्च शिक्षा निदेशालय में हुई राज्य शिक्षक महासंघ की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि एसएमसी शिक्षकों के मामले पर मुख्यमंत्री गंभीर है। जल्द इनके लिए नीति बनेगी। शिक्षकों को 4-9-14 के वित्तीय लाभ देने के लिए विशेष कमेटी बनाने का आश्वासन दिया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि महासंघ के साथ 30 बिंदुओं पर चर्चा हुई। उन्होंने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि जो मांगें पूरी की जा सकेंगी, उन पर जल्द काम होगा। कई मामले हल करने के लिए छह कमेटियां बनाने का फैसला लिया गया। एक सप्ताह में ये कमेटियां रिपोर्ट विभाग को सौंपेंगी।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड आज 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित करेगा। प्रदेश में करीब 1.10 लाख विद्यार्थी 12वीं कक्षा में हैं। इससे पहले बोर्ड ने 5 जुलाई को दसवीं कक्षा का परिणाम घोषित किया था। हिमाचल प्रदेश में भी सीबीएसई की तर्ज पर प्रदेश 12वीं कक्षा के विद्यार्थी प्रमोट कर दिए गए हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड ने परीक्षाओं में सामाजिक दूरी कायम रखने के लिए 2137 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। बोर्ड ने 12वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा 13 अप्रैल को ली थी लेकिन इसके बाद कोरोना के चलते परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं थीं। बता दें प्रदेश में 12वीं कक्षा का एक ही पेपर हुआ था, लेकिन बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए बाकि विषयों की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं। 5 जून को सीएम जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई कैबिनेट की बैठक में प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं रद्द कर दी गईं थीं।
सरकार ने जनता को सस्ती दरों पर सोना खरीदने का मौका दिया है। निवेशक सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड योजना के तहत बाजार मूल्य से काफी कम दाम में सोना खरीद सकते हैं। यह योजना सिर्फ पांच दिन के लिए यानि 12 जुलाई से 16 जलाई तक खुली है। इसकी बिक्री पर होने वाले लाभ पर आयकर नियमों के तहत छूट के साथ और कई लाभ मिलेंगे। सरकार की ओर से गोल्ड बॉन्ड में निवेश के लिए यह वित्त वर्ष 2021-22 की चौथी श्रृंखला है। योजना के तहत 4,807 रुपये प्रति ग्राम पर सोना खरीद सकते हैं। गोल्ड बॉन्ड की खरीद ऑनलाइन तरीके से की जाती है तो सरकार ऐसे निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की अतिरिक्त छूट देती है। इसमें आवेदनों के लिए भुगतान 'डिजिटल मोड' के माध्यम से किया जाना है। ऑनलाइन सोना खरीदने पर निवेशकों को प्रति ग्राम सोना 4,757 रुपये का पड़ेगा।
पहाड़ी इलाकों में लगातार आ रही बारिश और कई जगह बादल फट जाने के कारण जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा इलाके में बारिश-बादल फटने की घटना से तबाही हुई है। यहां कारेरी लेक इलाके से बीते दिन कई शवों को बरामद किया गया। इनमें पंजाब के सूफी सिंगर सिंह का शव भी शामिल है। पंजाबी गायक मनमीत सिंह का शव हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के करेरी झील इलाके से बरामद हुआ है। एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने बताया कि सोमवार सुबह मनमीत अपने भाई और तीन दोस्तो के साथ करेरी लेक गया था। भारी बारिश होने के दौरान करेरी में पहाड़ पर सभी नोली नाले को पार कर रहे थे। नाले को पार करते समय सभी की आंखों के सामने मनमीत पानी में बह गया। पुलिस को सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम करेरी पहुंची। मंगलवार को मनमीत का शव बरामद किया गया। अभी तक मनमीत का शव शाहपुर के पास बोह दरिणी पहुंचा है। आज धर्मशाला में शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
आज घरेलू बाजार में सोने और चांदी की वायदा कीमत में तेजी आई। एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.20 फीसदी (95 रुपये) बढ़कर 47,984 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी की बात करें, तो चांदी वायदा आज 0.06 फीसदी (38 रुपये) बढ़कर 69,119 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। पीली धातु पिछले साल के उच्चतम स्तर (56200 रुपये प्रति 10 ग्राम) से करीब 8500 रुपये नीचे है। वैश्विक बाजार में इतनी है कीमत वैश्विक बाजार में आज हाजिर सोना 1,806.07 डॉलर प्रति औंस पर सपाट रहा। वहीं अमेरिकी सोना वायदा 0.2 फीसदी नीचे 1,807.20 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अन्य कीमती धातुओं में चांदी 25.97 डॉलर प्रति औंस पर सपाट थी, पैलेडियम 0.1 फीसदी ऊपर 2,830.14 डॉलर और प्लैटिनम 0.1 फीसदी बढ़कर 1,105.02 डॉलर पर पहुंच गया। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, पिछले हफ्ते भारत में भौतिक सोना 2021 में पहली बार डिस्काउंट पर बेचा गया क्योंकि कोरोना वायरस मामलों में तेजी ने सख्त प्रतिबंधों को प्रेरित किया और खरीदारों को दूर रखा। हाजिर बाजार में शुक्रवार को उच्चतम शुद्धता वाला सोना 46,791 रुपये जबकि चांदी 67,800 रुपये पर बिकी।
लखनऊ के काकोरी से पकड़े गए दोनों संदिग्ध आतंकी अभी ATS की कस्टडी रिमांड में हैं। दोनों आतंकियों ने कई राज उगले हैं। आतंक का वो क्रैश कोर्स डिकोड हो गया है। जिसका इस्तेमाल आतंक के आका युवाओं को बरगलाकर आतंक की दुनिया में धकेलने के लिए करते हैं। पहले चरण में पर्सनल चैटिंग की जाती है। सोशल मीडिया पर चैट के आधार पर हैंडलर सवाल जवाब से टोह लेता है। उसके बाद माइक्रो कम्युनिटी जहां पहचान के बाद गिरोह को जानकारी दी जाती है। भाई जान बताकर जेहाद की ललकार की जाती है। फिर फिजिकल कॉन्टैक्ट की बारी आती है जहां संतुष्ट होने के बाद मिलने के लिए बुलावा दिया जाता है। इसके बाद सबको अलग-अलग टास्क दिया जाता है। टास्क में पास होने के बाद हैंडलर की मीटिंग होती है, फिर ऑपरेशन को अंजाम देने का वक़्त आता है।
काकोरी कुकर कांड में बड़ा खुलासा हुआ है। एटीएस की रिमांड में चल रहे संदिग्ध आतंकी मिन्हाज और मशीरुद्दीन के मोबाइल में 12 वीडियो मिले हैं। दावा है कि, ये वीडियो उनके हैंडलर ने भेजे थे। वीडियो उन्माद से भरे हैं और युवाओं को बरगलाने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक, इन वीडियो का इस्तेमाल अलकायदा और उसके इंडियन मॉड्यूल अंसार गजवातुल हिन्द के आका भी कर रहे हैं। एटीएस को इन दोनों की कॉल डिटेल से पता चला है कि अधिकतर कॉल दिल्ली मेरठ, हरदोई, बरेली और कानपुर में की गई हैं। कानपुर में सबसे ज्यादा कॉल 8 और 9 जुलाई को हुई हैं। इन कॉल डिटेल्स के आधार पर एटीएस ने अलग से जांच शुरू कर दी है। इसके लिए एटीएस की 3 टीमों को अलग-अलग जिलों में भेजा गया है। मिन्हाज ने 4 बार नेपाल में 2 अलग अलग लोगों से बात की है। इनकी जानकारी भी जुटाई जा रही है। वंही, अल कायदा से जुड़े आतंकियों से पूछताछ में कई चौंका देने वाले खुलासे हुए हैं। जिसके मुताबिक ये आतंकी मई में ही उत्तर प्रदेश में सीरियल ब्लास्ट करने वाले थे, लेकिन कोरोना की वजह से उन्हें भीड़भाड़ वाली जगह नहीं मिली। इसके बाद आतंकियों ने जुलाई के तीसरे हफ्ते को चुना, लेकिन उससे पहले वो सलाखों के पीछे पहुंच गए।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षाबलों को कामयाबी मिली है। सुरक्षा बालों ने लश्कर के कमांडर एजाज उर्फ अबु हुरैरा समेत तीन आतंकियों को मार गिराया है। अबु हुरैरा पाकिस्तानी था। इसके अलावा मारे गए दो आतंकियों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि देर रात गुप्त सूचना के आधार पर जब रात एक बजे सेना, सीआरपीएफ और पुलिस की टीम ने पुलमावा टाउन के न्यू कॉलोनी इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद रात भर दोनों तरफ से गोलीबारी होती रही और अब तीन आतंकियों के मारे जाने की खबर आई है। इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। वहीं, दूसरी ओर कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकियों की एक बड़ी साज़िश नाकाम कर दी है। एजेंसियों की मुस्तैदी से सैकड़ों लोगों की जान बच गई है। कुलगाम में रेलवे ट्रैक के पास 20 किलो IED बरामद किया गया है।
जम्मू के अरनिया सेक्टर में बीती रात एक उड़ती हुई संदिग्ध चीज देखी गई है। दरअसल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रात करीब दस बजे आसमान में लाल रंग की जगमगाती टाइट देखी गई। लाल रंग की लाइट देखकर बीएसएफ के जवानों ने फायरिंग की। जिसके बाद वो लाइट पाकिस्तानी सीमा की तरफ चली गई। अब जांच ये की जा रही है कि क्या वो लाल रंग की लाइट कोई ड्रोन है या कुछ और। पिछले दिनों कई बार जम्मू में ड्रोन देखे गए थे, ड्रोन से ही जम्मू एयरफोर्स स्टेशन पर हमला भी हुआ था। इसके बाद जम्मू में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही सभी लोगों के से ड्रोन को पुलिस थानों में जमा करवाने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज जिला कांगड़ा के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के बोह क्षेत्र में विगत दिन आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया तथा बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने बाढ़ से प्रभावित स्थल का भी दौरा किया तथा वे बोह क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों से भी मिले। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्य युद्धस्तर पर करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी और उनका पुनर्वास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा में मारे गए लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये दिये जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के मकान इस आपदा में क्षतिग्रस्त हुए हैं उन्हें भी सरकार मकान बनाने के लिए हर संभव सहयोग देगी। जिला प्रशासन के साथ एनडीआरएफ की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों में लगी हुई है तथा लापता लोगों को ढूंढने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जयराम ठाकुर ने आज सिरमौर जिले के उपायुक्त राम कुमार गौतम से भी दूरभाष पर बातचीत की तथा गत सायं पांवटा उपमंडल में बांगरन गांव के डोरियोंवाला के पास टापू में गत दिन गिरी नदी में फंसे लोगों को एन.डी.आर.एफ तथा जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षित निकालने के के बारे में भी जानकारी ली। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चैधरी, स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सैजल, सांसद किशन कपूर, विधायक विशाल नेहरिया, वूल फैडरेशन के उपाध्यक्ष त्रिलोक कपूर, जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़, उपायुक्त डा. निपुण जिंदल, एवं पुलिस अधीक्षक विमुक्तरंजन उपस्थित थे।
महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस केंद्र सरकार पर लगातार निशाना साध रही है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज खुदरा महंगाई दर से जुड़ी खबर साझा करते हुए लिखा, ''खाया भी, ‘मित्रों’ को खिलाया भी- बस जनता को खाने नहीं दे रहे। '' इसके साथ उन्होंने #PriceHike लिखा। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि कांग्रेस 19 जुलाई से आरंभ हो रहे संसद के मानसून सत्र में महंगाई के मुद्दे को उठाएगी और इस पूर्ण चर्चा की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि महंगाई को लेकर राजग सरकार लगातार यह बताने की कोशिश कर रही है कि महंगाई से जुड़ी चिंता फर्जी है और अगर सरकार इस मुद्दे को नजरअंदाज करती है तो यह मुद्दा खत्म हो जाएगा। कांग्रेस पार्टी महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार की घोर लापरवाही की निंदा करती है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र इस बार 2 से 13 अगस्त तक चलेगी। विधानसभा सचिवालय की ओर से इस संदर्भ में अधिसूचना भी जारी कर दी गई। विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा ने बताया कि सत्र का आगाज़ 2 अगस्त काे दाेपहर 2 बजे से हाेगा। सत्र के दाैरान कुल 10 बैठकें हाेंगी। पहले दिन शाेकाेद्घार हाेगा, जिसमें दिवंगत सदस्याें काे श्रद्धांजलि दी जाएगी। मानसून सत्र में इस बार कुछ अहम विधेयक भी पेश हाेंगे, जाे बजट सत्र के दाैरान पेश नहीं हाे पाए थे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मानसून सत्र में इस बार दाे दिन का गैर सरकारी सदस्य दिवस भी रखा गया है। यानी 5 और 12 अगस्त काे विधायक अपने-अपने क्षेत्राें की मांगे प्रस्तुत करेंगे।
सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 397.04 अंक (0.76 फीसदी) ऊपर 52,769.73 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 119.75 अंक यानी 0.76 फीसदी की बढ़त के साथ 15,812.35 के स्तर पर बंद हुआ। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 98.48 अंक या 0.18 फीसदी के नुकसान में रहा।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ से मिनहाज और मसीरुद्दीन की गिरफ्तारी के बाद दोनों से हुई पूछताछ में कई जानकरियां मिल रही हैं। मिनहाज ने बताया कि उसने कानपुर में टेरर क्लास रूम प्लान किया था। इस क्लास रूम के लिए जगह की जिम्मेदारी चमनगंज के एक बड़े बिल्डर को दी गई थी। उसने बताया कि यहां नौजवानों को रेडिकलाइज करके आतंक का पाठ पढ़ाया जाना था। इसके लिए जगह का चयन लगभग हो चुका था। गौरतलब है कि चमनगंज मुस्लिम बहुल इलाका है। पहले भी यहां से कई आतंकियों और आईएसआई एजेंट गिरफ्तार किए गए हैं। यहीं पर रहमानी मार्केट है, जहां से मिनहाज को दो प्री-एक्टिवेटेड सिम और एक मोबाइल उपलब्ध कराया गया था। वहीं बिल्डर को हिरासत में लिए जाने की खबर है। बिल्डर का संबंध शहर के कई नामचीन लोगों से भी हैं। इसी सिलसिले में व्यक्ति को पेंचबाग से भी हिरासत में लिया गया है। जानकारी के मुताबिक इसी व्यक्ति ने मिनहाज और मसीरुद्दीन को मोबाइल उपलब्ध कराया था।
राष्ट्रपति की ओर से नियुक्त प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने आज अपना पदभार संभाल लिया है। मंगलवार को राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने हिमाचल प्रदेश के 28वें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण की। हिमाचल हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रवि विजय कुमार मलिमठ ने राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को राज्यपाल पद की शपथ दिलवाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित मंत्रिमंडल के सहयोगी मौजूद थे। हिमाचल के नए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मंगलवार सुबह शपथ लेने के बाद हिमाचल के राम सिंह को याद किया। उन्होंने कहा गोवा की आजादी में हिमाचल का भी योगदान है। कांगड़ा के राम सिंह को गोवा निवासी भूल नहीं पाएंगे। राज्यपाल ने कहा प्रदेश में राम सिंह के परिवार को ढूंढने का प्रयास करूंगा। कहा, मेरी भूल थी कि आतिथ्य सत्कार केवल गोवा वासी जानते हैं, मैंने यह भूल यहां पहुंचने पर सुधार ली है। समूचा हिमाचल और यहां के लोग आतिथ्य सत्कार में किसी से पीछे नहीं है।
आयकर विभाग ने सात जून को अपने प्रोजेक्ट CPC 2.0 के तहत अपना नया ई-फाइलिंग पोर्टल (www.incometax.gov.in) लॉन्च किया है। आयकरदाताओं के लिए रिटर्न भरने की प्रक्रिया को तेज और आसान बनाने के लिए इस पोर्टल को शुरू किया गया है। आयकर विभाग जल्द ही एक मोबाइल एप भी लॉन्च कर सकता है जिसमें इस पोर्टल के सभी फीचर मौजूद होंगे। बता दें कि आयकर विभाग इनकम टैक्स रिटर्न भरने की अंतिम तारीख 30 सितंबर तक के लिए बढ़ाने का पहले ही एलान कर चुका है। आयकर विभाग ने एक नई फाइनेंशियल ईयर 2021 में आईटीआर फॉर्म फाइल करने के लिए JSON नाम से एक नई सुविधा की शुरुआत की है। साथ ही फिलहाल केवल टैक्स रिटर्न फॉर्म आईटीआर 1, 2 और 4 को ही जारी किया गया है। ई-फाइलिंग पोर्टल से डेटा लेकर इन ये फॉर्म में आसानी से पहले से ही भरा जा सकता है। इसमें व्यक्तिगत जानकारी, सैलरी इनकम, कैपिटल गेन और फॉर्म 26AS में मौजूद सभी जानकारियां शामिल हैं। फाइनेंशियल ईयर 2021 से एक नई रिआयती टैक्स सुविधा को भी शामिल किया गया है। इसके तहत करदाता को रिटर्न भरने से पहले पुरानी टैक्स व्यवस्था और नई टैक्स व्यवस्था में से किसी एक का चुनाव करने का विकल्प मिलेगा। अगर कोई व्यक्ति ITR फाइल कर रहा हैं तो ध्यान रखें कि EPF से निकाले गए पैसे को रिटर्न फाइल करते वक्त दिखाना होगा।
भारत में सोने की कीमतों में मंगलवार को गिरावट दर्ज की गई है। दरअसल ग्लोबल मार्किट में येलो मेटल पिछले सेशन में एक सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद स्थिर रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना अगस्त वायदा भाव 59 रुपये की तेजी के साथ 47,833 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, जबकि पिछला बंद भाव 47,774 रुपये था। वहीं चांदी का सितंबर वायदा भाव 115 रुपये या 0.8 फीसदी की तेजी के साथ 69,490 रुपये प्रति किलोग्राम पर रूल कर रहा था। पिछले सत्र में चांदी वायदा 69,375 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। बता दें कि 24 कैरेट सोने का भाव मंगलवार को 100 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट के साथ 47,710 रुपये पर आ गया, जो पिछले कारोबारी सत्र में 47,810 रुपये था। वहीं चांदी पिछले कारोबार के 69,300 रुपये से 200 रुपये प्रति किलोग्राम गिरकर 69,100 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पूर्वोत्तर के मुख्यमंत्रियों के साथ कोरोना पर समीक्षा बैठक की। प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना के खतरे को समझाते हुए कहा कि हमें पहले से ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि माइक्रोकंटेनमेंट जोन बनाएं, इससे जिम्मेदारी भी तय होगी। उन्होंने कहा कि यह बहरुपिया वायरस है, इसके म्यूटेंट से हमें सावधान रहना होगा। इसकी रोकथाम और इलाज पर फोकस करना है।
सरकार ने मंत्रिमंडल की शक्तिशाली समितियों का पुनर्गठन किया है, जिसके तहत केंद्रीय मंत्रियों स्मृति ईरानी, भूपेंद्र यादव और सर्वानंद सोनोवाल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली राजनीतिक मामलों की महत्वपूर्ण मंत्रिमंडल समिति का सदस्य बनाया गया है। मंत्रिमंडल सचिवालय की सोमवार रात जारी अधिसूचना के अनुसार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली संसदीय मामलों की मंत्रिमंडल समिति में केंद्रीय मंत्रियों वीरेंद्र कुमार, किेरेन रीजीजू और अनुराग सिंह ठाकुर को शामिल किया गया है। हालांकि, सुरक्षा मामलों पर निर्णय लेने वाली देश की सर्वोच्च संस्था-सुरक्षा संबंधी मंत्रिमंडल समिति और नियुक्ति संबंधी मंत्रिमंडल समिति की संरचना में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नियुक्ति संबंधी मंत्रिमंडल समिति संयुक्त सचिव और उससे ऊपर के पद पर सरकारी नियुक्तियों के संबंध में फैसला करती है। सुरक्षा संबंधी मंत्रिमंडल समिति के सदस्यों में प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर हैं। नियुक्ति संबंधी मंत्रिमंडल समिति में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री शामिल हैं। केंद्रीय मंत्रियों नारायण राणे, ज्योतिरादित्य एम सिंधिया और अश्विनी वैष्णव को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली निवेश एवं विकास संबंधी मंत्रिमंडल समिति में नए सदस्यों के रूप में शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली रोजगार और कौशल विकास संबंधी मंत्रिमंडल समिति में केंद्रीय मंत्रियों अश्विनी वैष्णव, भूपेंद्र यादव, रामचंद्र प्रसाद सिंह और जी किशन रेड्डी को नये सदस्यों के रूप में शामिल किया गया है।
योग गुरू स्वामी रामदेव ने आज पतंजलि ग्रुप की 25 हजार करोड़ रुपये के टर्नओवर से 2025 तक की विस्तार योजना को सामने रखा। इस मौके पर स्वामी रामदेव ने कहा कि योग और आयुर्वेद में जो रिसर्च भारत सरकार नहीं कर पाई वो पतंजिल ने किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पतंजलि ब्रांड नहीं आदोलन है, हमने पांच साल में पांच लाख लोगों को रोजगार दिया है, आने वाले पांच सालों में पांच लाख लोगों को रोजगार देंगे।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में हुए बहुचर्चित थप्पड़ कांड में सरकार ने केंद्र को रिपोर्ट भेज दी है। प्रदेश के गृह विभाग ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को आईपीएस अधिकारी गौरव सिंह के निलंबन की जानकारी भेजी है। अगर मंत्रालय निलंबन को कन्फर्म करता है तो इससे एसपी गौरव की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। दरअसल, निलंबित किए जाने के बाद सरकार को 45 दिन के भीतर आरोपी अफसर को चार्जशीट देनी होती है। इस अवधि में चार्जशीट न करने पर निलंबन वापस हो जाता है। अगर सरकार केंद्र को जानकारी भेजती है और गृह मंत्रालय निलंबन को कन्फर्म करता है तो इस मियाद के बाद भी आरोपी अधिकारी न सिर्फ निलंबित रह सकता है, बल्कि सरकार पर भी 45 दिन में चार्जशीट देने की बाध्यता नहीं रहती। गौरतलब है कि कुल्लू में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के दौरे के दौरान गौरव सिंह ने एडिशनल एसपी मुख्यमंत्री सुरक्षा बृजेश सूद को थप्पड़ मार दिया था। मुख्यमंत्री के तत्कालीन पीएसओ बलवंत सिंह ने गौरव को लातें मारी थीं। इस घटनाक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद सरकार ने गौरव और बलवंत को निलंबित कर तीनों को पुलिस मुख्यालय व मंडी आईजी रेंज कार्यालय में अटैच किया था। हालांकि, जांच रिपोर्ट आने के बाद बृजेश को फिर से एडिशनल एसपी सीएम सुरक्षा लगा दिया था।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय स्नातक डिग्री में एनसीसी को सामान्य वैकल्पिक विषय के रूप में शुरू करेगा। यूजीसी ने सभी विश्वविद्यालयों को इस संदर्भ में दिशा- निर्देश जारी कर दिए है। निर्देशों में सभी विश्वविद्यालयों से कहा गया है कि वे एनसीसी को सामान्य वैकल्पिक विषय के रूप में इसी सत्र से पढ़ाए जाने की तैयारी करें। वहीं एनसीसी के प्रदेश प्रभारी से भी इस बारे में राय लेने को कहा गया है। एनसीसी विषय 24 क्रेडिट्स मिलेंगे। एनसीसी के आलाधिकारी एनसीसी को वैकल्पिक विषय के रूप में इसी सत्र में पढ़ाए जाने के प्रस्ताव को लेकर राज्यपाल और प्रदेश के शिक्षा मंत्री से भी बीते माह मिल चुके हैं। इसमें राज्यपाल ने भी सभी विश्वविद्यालय को विषय इसी सत्र से शुरू करने को कहा था। प्रदेश सरकार ने 16 अगस्त से यूजी डिग्री कोर्स की प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया है। प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय को इस नए वैकल्पिक कोर्स की च्वॉयस छात्रों को उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक तैयारी करनी होगी। ऐसा करने पर ही यूजी के प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले छात्र इस विषय को चुन सकेंगे। यूजीसी ने इसको लेकर विस्तृत प्रस्ताव निर्देशों के साथ वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया है।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शाहपुर से करीब 25 किलोमीटर दूर बोह घाटी में सोमवार को भारी बारिश के आई बाढ़ में 10 घर बह गए। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए मंगलवार सुबह करीब पांच बचे एनडीआरएफ के जवानों ने बचाव अभियान शुरू किया। कल देर रात तक चले बचाव अभियान के दौरान पांच लोगों को सुरक्षित बचाया गया। इनमें दो बच्चीयां भी शामिल हैं। लेकिन प्रशासन ने अभी भी मलबे में करीब नौ लोगों के दबे होने की आशंका जताई है। सोमवार को बोह घाटी में एक महिला का शव मिला था। यहां अन्य घरों को खाली करवा लिया गया है। डीसी निपुण जिंदल और एसपी विमुक्त रंजन भी मौके पर मौजूद है। एनडीआरएफ के करीब 50 जवान बचाव अभियान में लगे हैं।
हिमाचल प्रदेश के आठ शहरों में शहरी सड़कों के सुधार और लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए सर्वे शुरू किया गया है। सर्वेक्षण के तहत नगर निगम क्षेत्र से जुड़ने वाली सड़कों, नगर परिषद के तहत आने वाली पार्किंग व्यवस्था और अन्य कार्यों पर काम किया जाएगा। इसका मकसद शहरी क्षेत्रों में ट्रैफिक की व्यवस्था को सुधारना है। वहीं नगर निगम क्षेत्र में पार्किंग की असुविधा से जूझ रहे लोगों को समस्या से निजात दिलवाने के लिए भी प्लान तैयार होगा। हिमाचल प्रदेश रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड ने प्रदेश के आठ शहरों बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, सिरमौर के नाहन, सोलन और ऊना में इस सर्वे का काम एलएनटीआईईएल कंपनी को सौंपा है। यह सर्वे आठ बिंदुओं पर केंद्रित होगा। इसमें शहर के मुख्य चिह्नित स्थानों की सड़क किनारे दिन के 12 घंटे में पार्क की गईं गाड़ियों की संख्या गिनना, कैमरा लगाकर ट्रैफिक को रिकॉर्ड करना, शहर की गलियों के किनारे और शहर के अंतिम छोर तक पार्किंग का इनपुट लेना, जिला मुख्यालय की मुख्य सड़कों का आकलन करना, ट्रायल पिट लगाकर बिना ट्रैफिक को बाधित किए सर्वे करना है। इसी के साथ शहर में बनने वाले फुट ब्रिजों पर भी सर्वे होगा।
पर्यटन नगरी हिमाचल प्रदेश का मैकलोडगंज सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे भारी बारिश से हुई तबाही के बाद कुछ ही पल में खाली हो गई। भागसूनाग में सुबह साढ़े 7:30 नाले में अचानक पानी का तेज बहाव आने के बाद माहौल चीख पुकार में बदल गया। भागसूनाग चौक पर गाड़ियां ताश के पत्तों की तरह बहने लगीं। भागसूनाग शहर का चौक नाले में तबदील हो गया। होटलों में कर्मचारी व सैलानी जान बचाकर शहर से भागने लगे।
हिमाचल प्रदेश में मंडी संसदीय सीट और तीन विधानसभा उपचुनावों से पहले सरकार महंगाई को कम करने में जुट गई है। इसी कड़ी में डिपुओं में मिलने वाले सरसों तेल और दालों के बाद अब चीनी के दाम कम करने की तैयारी है। चीनी के दाम प्रति किलो एक से दो रुपये तक कम किए जा सकते हैं। फिलहाल, एपीएल (गरीबी रेखा से ऊपर) उपभोक्ताओं को 30 जबकि बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) परिवारों को 19 रुपये प्रति किलो के हिसाब से चीनी दी जा रही है। यही नहीं, डिपो में पैकेट बंद चीनी दी जाएगी। आगामी कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को लाया जा रहा है। सरकार ने हाल ही में दालों के दाम प्रति किलो 8 रुपये तक जबकि सरसों तेल के 7 रुपये प्रति लीटर दाम घटाए हैं। गौरतलब है कि प्रदेश में 18.5 लाख राशनकार्ड उपभोक्ता हैं।
हिमाचल प्रदेश में आसमान से आफत टूटी है। राज्य के कई इलाकों में बादल फटने की वजह से तबाही आ गई है। धर्मशाला में कई गाड़िया बह गईं, घर और दुकान भी गिर गए। शिमला के पास सड़क बहने से रास्ते बंद हो गए। राज्य में 16 जुलाई तक इसी तरह से मानसून की बारिश होगी. इस बीच पीएम मोदी ने कहा कि राज्य को हर संभव मदद दी जा रही है। हिमाचल प्रदेश की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अधिकारी राज्य सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हर संभव सहयोग दिया जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात की। अमित शाह ने ट्वीट करते हुए कहा, “हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश से आयी प्राकृतिक आपदा के संबंध में मैंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात की है. राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ की टीमें शीघ्र वहां पहुंच रही हैं। गृह मंत्रालय स्थिति को निरंतर मॉनिटर कर रहा है. केंद्र की ओर से हिमाचल को हर संभव मदद दी जाएगी।” अमित शाह के ट्वीट पर मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से निपटने एवं राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ की टीमें भेजने हेतु केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार। हमारी सरकार भी इस स्थिति से निपटने हेतु हरसंभव कार्य कर रही है.” इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रदेश के जिला कांगड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारी बरसात के कारण काफी नुकसान हुआ है, जिसकी हमने रिपोर्ट मंगवाई है। हमने सभी जिलों के उपायुक्तों को राहत कार्यों एवं प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दे दिए हैं।” सीएम ने आगे कहा, “प्रदेशवासियों एवं पर्यटकों से विनम्र आग्रह है कि खराब मौसम के दृष्टिगत सावधानियां बरतें। नदी-नालों एवं भूस्खलन संभावित स्थानों के करीब न जाएं।”
हिमाचल प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच कई जिलों में सोमवार को मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। मैक्लोडगंज के पास भागसूनाग में नाले में बाढ़ आने से पार्किंग में गाड़ियां बह गईं। कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। पागलनाला में बाढ़ आने से औट-लारजी-सैंज मार्ग बंद हो गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 और 13 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि 14 16 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी हुआ है। प्रदेश में 18 जुलाई तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। विभाग ने एडवाइजरी जारी की है कि भारी बारिश से भूस्खलन, पेड़ गिरने और नदी-नालों का जल स्तर बढ़ने का खतरा है। पर्यटकों, स्थानीय लोगों को नदी-नालों के पास न जाने की सलाह दी गई है। सुबह नौ बजे तक पालमपुर में 160 मिमी और धर्मशाला में 130 मिमी बारिश हुई है। मनाली 55 मिमी, कांगड़ा 65 मिमी, भुंतर 51 मिमी, डलहौजी 48 मिमी और कुफरी में 38 मिमी बारिश हुई है। उधर, शिमला-मंडी वाया तत्तापानी सड़क में कई पहाड़ दरके हैं। ऊपरी शिमला में भी कई जगह ल्हासे गिर रहे हैं। शिमला का न्यूनतम तापमान 17.0, सुंदरनगर 22.6. भुंतर 19.8, धर्मशाला 18.8, ऊना 23.5, नाहन 22.6, केलांग 12.4, पालमपुर 19.0, सोलन 20.5, मनाली 18.2, कांगड़ा 20.8, मंडी 21.1, बिलासपुर 24.5, हमीरपुर 24.2, चंबा 22.2, डलहौजी 14.7 और कुफरी 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 और 13 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि 14 16 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी हुआ है। प्रदेश में 18 जुलाई तक मौसम खराब रहने के आसार हैं।
हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में सोमवार को हुई भारी बारिश ने तबाही मचाई है। प्रदेश के कई जिलों गाड़िया पानी में बह गयी, कई लोगों के घर बह गए। वंही कांगड़ा जिले के विधानसभा क्षेत्र शाहपुर की वोह घाटी में बारिश से आई बाढ़ के कारण लगभग छह घर पानी में बह गए हैं। अभी तक 12 लोग लापता बताए जाए जा रहे हैं। एक महिला का शव बरामद किया गया है। महिला की पहचान मस्तो देवी पत्नी भीमो राम के रूप में हुई है। कुछ लोगों को घर से सुरक्षित निकाल लिया गया है। वोह घाटी में जिन लोगों के घर दरिया किनारे हैं, उनको खाली करवा दिया गया है। भारी बारिश के कारण कुछ गौशालाएं भी ढह गई हैं। डीसी कांगड़ा निपुण जिंदल के आदेश के बाद एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। भूस्खलन के कारण वोह को जाने वाली सड़क भी बंद हो गई है।


















































