- शिलाई-बशवा सड़क पर आज सुबह हुआ हादसा, 17 घायल हिमाचल के जिला सिरमौर में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा पेश आया। जिले के शिलाई उप मंडल के शिलाई-बशवा मार्ग पर बशवा गांव के नजदीक एक बोलेरो कैंपर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में एक बच्ची सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को तुरंत अस्पताल भेज दिया है। बोलेरो कैंपर शिलाई से बशवा की तरफ जा रही थी जिसमें 19 लोग सवार थे, घायलों में बोलेरो का चालक भी शामिल है।
-केंद्रीय उपभोक्ता मामले विभाग के अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान सचिव भरत खेड़ा को केंद्र सरकार ने दिल्ली बुला लिया है। केंद्र की मोदी सरकार ने खेड़ा को उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय में उपभोक्ता मामले विभाग के अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में केंद्रीय कैबिनेट की नियुक्ति समिति के सचिवालय की ओर से नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। भरत खेड़ा के प्रतिनियुक्ति पर जाने से मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव पद के लिए योग्य अधिकारी को तलाश करना सरकार के लिए चुनौती रहेगा। वर्तमान में प्रदेश के प्रशासनिक सचिवों के पास औसतन पांच से छह विभाग हैं। खेड़ा वर्तमान में अकेले करीब दस महकमों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। सामान्य प्रशासन विभाग, सचिवालय प्रशासन विभाग, ऊर्जा विभाग, बिजली बोर्ड, लोक निर्माण विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, कर एवं आबकारी विभाग, संसदीय कार्य के अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव का पदभार इनके पास है। खेड़ा के दिल्ली जाने से इन महकमों का आवंटन करना सरकार के लिए आसान नहीं रहने वाला है।
जिला सिरमौर जिले के उप मंडल संगड़ाह की तहसील नौहराधार की ग्राम पंचायत सेरतदोला के गांव कोटि में 10 दिवसीय ख्लोगेश्वर महाराज कोटि क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट का समापन हो गया है। इस प्रतियोगिता के समापन पर में बतौर मुख्य अथिति लक्ष्मी दत्त शर्मा ने शिरकत की। टूर्नामेंट में ग्रामीण स्तर पर 70 टीमों ने भाग लिया। पहला सेमीफाइनल मुकाबला चिखर व राजगढ़ के बीच हुआ, जिसमें चिखर ने जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल मैच कोटि मैथली व यंग्स स्टार नौहराधार के बीच हुआ, जिसमें यंग्स स्टार टीम ने कोटि मैथली टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मैच का मुकाबला यंग्स स्टार नौहराधार व चिखर के मध्य हुआ। यंग्स स्टार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और 8 ओवर में 92 रन बनाए। वहीं, चिखर टीम 8 ओवर में 77 रन ही बना पाई और यंग्स स्टार नौहराधार की टीम ने चीखर को हराकर ट्रॉफी व एक लाख रुपये के इनाम पर कब्जा किया। ख्लोगेश्वर महाराज सेरतदोला कोटि क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट के विजेता यंग्स स्टार नौहराधार को एक लाख व ट्रॉफी के साथ सम्मानित किया है और उप विजेता चीखर टीम को 31 हजार नकद राशि व ट्रॉफी के साथ सम्मानित किया गया।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस जिला हमीरपुर के प्रवक्ता एडवोकेट रोहित शर्मा ने कहा कि प्रदेश मुख्यमंत्री ुखविंदर सिंह सुक्खू का हमीरपुर जिला में पहुंचने पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन होगा। रोहित शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री अपने गृह जिले के दो दिवसीय प्रवास के दौरान 9 जनवरी सुबह 11:45 पर अमतर स्थित क्रिकेट स्टेडियम नादौन में पहुंचेंगे। उसके उपरांत 2 दिन वह अपने विधानसभा क्षेत्र नादौन एवं गृह जिला हमीरपुर की जनता को करोड़ों रुपये की सौगात देकर विकास के लिए अपने वचनबद्धता को सार्थक करेंगे। प्रदेश में बरसात के मौसम में आई भीषण आपदा से निपटने के लिए प्रदेश को विषम आर्थिक परिस्थितियों में भी सुक्खू सरकार ने 4500 करोड़ रुपये का विशेष आर्थिक पैकेज जारी कर यह दर्शाया है कि वे आम आम हिमाचली के प्रति कितने संजीदा एवं संवेदनशील हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश आर्थिकी रूप से संबल हो रहा है। प्रदेश की जनता आगामी लोकसभा चुनाव में चारों लोकसभा सीटें कांग्रेस पार्टी की झोली में डालकर उनके हाथ को मजबूत करेगी।
जसवां-परागपुर में जीवन धीमान मारपीट मामले ने तूल पकड़ना शुरू कर दिया है। एक कांग्रेस नेता व उनके करीबियों के खिलाफ जीवन धीमान को मारने के आरोप लगे हैं। अब ज्वालामुखी के समाजसेवी मुकेश कुमार भी जीवन धीमान के साथ खड़े हो गए हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर 'जस्टिस फॉर जीवन धीमान' मुहिम चला दी है। इस मुहिम को बहुत से लोगों ने समर्थन देना भी शुरू कर दिया है। समाजसेवी मुकेश कुमार ने इस मुहिम को बड़े ही जोरो-शोरों से सोशल मीडिया पर चलाया है। मुकेश ने कहा कि वह सदैव सच की लड़ाई लड़ते हैं। इस वक्त उन्होंने सोशल मीडिया पर यह मुहिम चलाई है, जिसका सभी समर्थन करें और जीवन धीमान को न्याय दिलाएं।
** मानव भारती विवि के संचालक सहित 10 लोगों को बनाया आरोपी ** यूनिवर्सिटी पर 46,000 फर्जी डिग्रियां बेचने का है आरोप मानव भारती निजी विश्वविद्यालय के फर्जी डिग्री मामले में एसआईटी ने हिमाचल उच्च न्यायालय में अंतिम चालान पेश कर दिया है। एसआईटी ने विश्वविद्यालय के संचालक राजकुमार राणा व पत्नी समेत 10 से ज्यादा लोगों को आरोपी बनाया गया है। फॉरेंसिक लैब जुन्गा से सैंपल की रिपोर्ट आने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद एसआईटी ने चालान पेश किया है। एसआईटी का दावा है कि आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं। लैब को भेजे गए फर्जी डिग्रियों के नमूने और उत्तर पुस्तिकाओं की लिखावट की जांच में पाया गया कि दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ हुई है। जांच में पाया गया कि कई राज्यों में फर्जी डिग्रियां बेची गईं। इन राज्यों में महाराष्ट्र, बिहार, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु, केरल, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक शामिल हैं। डिग्रियां बेचने का यह फर्जीवाड़ा 2010 से चल रहा था। विश्वविद्यालय पर 46,000 फर्जी डिग्रियां बेचने का आरोप है।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (टीएचडीसीआईएल) ने 5 जनवरी को नई दिल्ली स्थित अपने कार्यालय में व्यवसाय में पारदर्शिता और सहयोग के प्रति कंपनी के समर्पण को रेखाकिंत करते हुए व्यवस्थापकों की बैठक आयोजित की। इस कार्यक्रम में कंपनी के प्रतिष्ठित व्यवस्थापक और निवेशक उपस्थित हुए। बैठक में टीएचडीसीआईएल के द्वारा प्रतिबद्धता जाहिर की गई कि कंपनी 12 जनवरी को कॉरपोरेट बॉन्ड सीरीज-IX जारी करने जा रही है। निदेशक (वित्त) जे. बेहेरा की अगुवाई में उनकी टीम ने कंपनी के भावी विकास पथ पर सक्रिय रूप से चर्चा की। टीएचडीसीआईएल ने एक व्यापक प्रस्तुतिकरण दिया, जिसमें कंपनी के विकास की संभावनाओं, इसकी वित्तीय स्थिति और चल रही परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। यह बैठक सार्थक संवाद को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करेगी। यह इस बात को सुनिश्चित करने में मदद करेगी कि व्यवस्थापकों और निवेशकों को कंपनी की रणनीतिक दिशा के बारे में अच्छी प्रकार से जानकारी है। बैठक का मुख्य आकर्षण जे. बेहेरा के नेतृत्व में की गई व्यापक चर्चा थी, जिसमें उन्होंने विस्तार से रणनीतियों और क्रेडिट रेटिंग पर की गई पूछताछ का उत्तर दिया। बैठक में विचारों के आपसी आदान-प्रदान से कंपनी के व्यवसाय और वित्तीय रणनीतियों के बारे में हितधारकों को संसूचित और आश्वस्त करना था जो कि टीएचडीसीआईएल की प्रतिबद्धता दर्शाता है। परियोजनाओं की सन्निकट कमीशनिंग एक प्रमुख कारक के रूप में उभरी है, जिससे कंपनी की क्रेडिट रेटिंग में काफी वृद्धि होने की उम्मीद है। यह टीएचडीसीआईएल की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और निवेशकों को बेहतर मूल्य प्रदान करने के लिए टीएचडीसीआईएल के समर्पण पर जोर देती है। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हितधारकों को रणनीतियों के विस्तार, क्रेडिट रेटिंग और परियोजनाओं की सन्निकट कमीशनिंग आदि के बारे में संसुचित करना, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। विकास की संभावनाओं और वित्तीय मामलों के अतिरिक्त, उपस्थित लोगों को सूचित किया गया कि टीएचडीसीआईएल के द्वारा कॉरपोरेट बॉन्ड सीरीज-9 के लिए 12 जनवरी को बिडिंग निर्धारित की गई है। यह बैठक इस बात का प्रतीक है कि टीएचडीसीआईएल उत्पादन में आपसी विचार-विमर्श को बढ़ावा देने, वित्तीय दृष्टिकोण पर स्पष्टता प्रदान करने और हितधारकों के साथ खुला संचार एवं संपर्क बनाए रखने के प्रति समर्पित है। टीएचडीसीआईएल 1587 मेगावाट की संस्थापित क्षमता के साथ देश के प्रमुख बिजली उत्पादकों में से एक है, जिसका श्रेय इसकी प्रचालनाधीन परियोजनाओं को जाता है जिनमें उत्तराखंड में टिहरी बांध और एचपीपी (1000 मेगावाट), कोटेश्वर एचईपी (400 मेगावाट), गुजरात के पाटन और द्वारका में क्रमश: 50 मेगावाट और 63 मेगावाट की पवन ऊर्जा परियोजनाएं और उत्तर प्रदेश के झांसी में 24 मेगावाट की ढुकवां लघु जल विद्युत परियोजना तथा केरल के कासरगोड में 50 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि टीएचडीसीआईएल की अमेलिया कोयला खदान का वाणिज्यिक संचालन निर्धारित समय से छह महीने पहले शुरू हो गया है जो एक विशेष उपलब्धि है। यह उपलब्धि देश की अग्रणी बिजली कंपनियों में से एक के साथ बने विश्वास और साझेदारी को रेखांकित करती है। निकट भविष्य में 1320 मेगावाट खुर्जा सुपर थर्मल पावर प्लांट (केएसटीपीपी) की प्रथम यूनिट (660 मेगावाट) और 1000 मेगावाट टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट (पीएसपी) की प्रथम यूनिट (250 मेगावाट) के चालू होने के साथ, टीएचडीसीआईएल उपलब्धियों को बढ़ाने, ऊर्जा क्षेत्र में अपनी स्थिति को और मजबूत करने के लिए तैयार है।
-आयोजन में पहुंचे 12 से अधिक देवी-देवता और 20 हजार देवलु हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू के गवास गांव में देवता गुडारू महाराज के सानिध्य में 38 साल बाद ऐतिहासिक देव अनुष्ठान शांत महायज्ञ समारोह का शुभारंभ रविवार को हुआ था। तीन दिन तक चलने वाले इस ऐतिहासिक महायज्ञ में 12 से अधिक देवी-देवता और 20 हजार से अधिक देवलु एवं खूंद पहुंचे हैं। प्रचलित पंरपरा के मुताबिक इस ऐतिहासिक देव अनुष्ठान के सफल आयोजन से क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। आयोजन के दूसरे दिन सोमवार को फेरी व शिखा पूजन की परंपरा पूरी की गई। फेरी रोहटान खूंद की ओर से सुबह 9 बजे मंदिर की परिक्रमा करके की गई। शिखा पूजन रस्म दोपहर 1 बजे मंदिर की छत पर पारंपरिक ढंग से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
-जांच एजेंसियों पर हमला करना तृणमूल कांग्रेस की आदत हमीरपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयानों पर करारा जबाव दिया है। पत्रकारों से बात करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कई मंत्रियों सहित उप मुख्यमंत्री भी जेल में हैं और मुख्यमंत्री स्वयं ईडी के समक्ष पेश नहीं हो रहे हैं। राजनीति में आने से पहले केजरीवाल ईमानदारी की बड़ी-बड़ी बातें करते थे, लेकिन आज कांग्रेस के भ्रष्ट नेताओं को गले लगा रहे हैं। केंंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी चोर-चोर मौसेरे भाई हैं। केजरीवाल को ईडी के सम्मन जाते हैं तो कांग्रेस के नेताओं के मुंह में दही और बर्फ जम जाती है। वहीं, पश्चिमी बंगाल में ईडी पर हुए हमले पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्र जांच एजेंसियों पर हमला करना तृष्णमूल कांग्रेस की आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री धरने पर बैठ जाएं तो यह अराजकता नहीं तो और क्या है?
** नेहरू-गांधी परिवार से आज तक कोई क्यों नहीं पहुंचा राम जन्मभूमि ** भगवान राम पर अपमान जनक टिप्पणी पर खामोश है इंडी गठबंधन नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कोर्ट के आदेश से राम जन्मभूमि का ताला खुलने के बाद किसी बड़े कांग्रेसी नेता ने राम लला के दर्शन करने की जहमत क्यों नहीं उठाई। पूजा पाठ और दर्शन की अनुमति होने के बाद से कांग्रेस नेताओं की राम लला से दूरी बनाने की क्या वजह है। कांग्रेस को इन बातों का जवाब देना चाहिए। आज भगवान राम सबके हैं कहने वाले 37 साल से कहां थे। देश के लोग यह जानना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का असली चेहरा देश के सामने हैं। आज विपक्षनीत 'इंडी गठबंधन का कोई न कोई नेता हताशा में भगवान राम अपमानजनक टिप्पणी कर रहा है लेकिन कांग्रेस समेत सभी नेता ख़ामोश बैठे हैं। इसी से पता चलता है कि सनातन की परंपरा के ध्वजवाहक मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के प्रति कांग्रेस समेत विपक्ष की क्या भावना है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश का बच्चा-बच्चा जानता हैं कि राम मंदिर की राह में कांग्रेस ने किस-किस तरह से रोड़े अटकाने का प्रयास किया। पूरे गांधी नेहरू परिवार की विरासत ही उत्तर प्रदेश की रही है। नेहरू-गांधी परिवार ने उत्तर प्रदेश से ही अपना प्रतिनिधित्व किया है। लेकिन कोर्ट से पूजा पाठ की अनुमति मिलने के बाद न जाने किस डर से किसी ने राम जन्मभूमि जाकर राम लला के दर्शन नहीं किए। चाहे वह राहुल गांधी हों, या प्रियंका गांधी या खुद सोनिया गांधी। कोई भी भगवान राम की चौखट तक नहीं गया। अमेठी का पिछला चुनाव हारने के पहले राहुल और सोनिया गांधी अयोध्या के आस-पास की लोक सभा क्षेत्रों से ही संसद का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह सभी नेता कई बार अयोध्या के आस-पास से गुजरे होंगे। प्रियंका गांधी ने तो अयोध्या रोड शो किया, हनुमान गढ़ी तक आई। वहां से चंद कदमों की दूरी पर राम लला का स्थान था लेकिन दो मिनट का समय भी उनसे नहीं निकाला गया। 37 साल से भगवान राम से इस तरह की दूरी बनाने के बाद अगर आज कांग्रेस के नेताओं को राम मंदिर पर बातें करने से पहले सोचना चाहिए।
** देशभर में इस तरह की महत्वकांक्षी पहल करने वाला पहला राज्य बनेगा हिमाचल ** मुख्यमंत्री बोले, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में कृत्रिम मेधा का होगा प्रयोग मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इटेंलिजेंस (कृत्रिम मेधा) का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। यह बात उन्होंने आज यहां स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न क्षेत्रों में कृत्रिम मेधा का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए वृहद स्तर पर कार्य कर रही है। इसके लिए आर्टिफिशियल इटेंलिजेंस मंत्रालय का सृजन करने पर भी विचार किया जा रहा है। देशभर में इस तरह की महत्वकांक्षी पहल पहली बार होगी। हमीरपुर में स्थापित होगा राष्ट्रीय कैंसर केंद्र सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार हमीरपुर में राष्ट्रीय कैंसर केंद्र स्थापित करने जा रही है। इसके लिए सभी प्रक्रियाएं चरणबद्ध तरीके से पूर्ण की जा रही हैं। इस केंद्र में मुख्य तौर पर अस्पताल, पालीऐटिव केयर, सेंटर फॉर प्रिवेन्टिव ऑन्कोलोजी और सेंटर फॉर मोलीक्यूलर ऑन्कोलोजी विभाग होंगे। उन्होंने कहा कि इस केंद्र में हाई-एंड प्रौद्योगिकी का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा और विश्व स्तरीय डायग्नोस्टिक लैब स्थापित की जाएगी। इस केंद्र में मोलीक्यूलर ऑन्कोलोजी सहित अनेक नवीन प्रौद्योगिकियों का इस्तेमाल कर मरीजों को श्रेष्ठतम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा वर्तमान में राज्य में कार्यशील कैंसर केयर यूनिट को भी सुदृढ़ किया जाएगा। बैठक में मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पेढ़ारकर, डॉ. जीके रथ, डॉ. सीएम त्रिपाठी, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, स्वास्थ्य सचिव एम सुधा देवी, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया, मिशन निदेशक एनएचएम प्रियंका वर्मा, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं गोपाल बेरी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
-बोले, युवाओं के कौशल विकास को किया जाएगा प्रोत्साहित पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में युवाओं को सशक्त बनाने व स्वच्छ ऊर्जा पहल को आगे बढ़ाने के दृष्टिगत सौर ऊर्जा के दोहन के लिए राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना के चरण-2 को शुरू करने का निर्णय लिया गया। यह योजना 100 किलोवाट से 500 किलोवाट तक क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाओं (एसपीपी) को स्थापित करने पर केंद्रित है। यह योजना राज्य के अक्षय ऊर्जा लक्ष्यों को हासिल करने में मील पत्थर साबित होगी। यह योजना 21 से 45 वर्ष की आयु के युवाओं को उद्यमशीलता के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ कौशल विकास को प्रोत्साहित करेगी। सोमवार को कांगड़ा तथा नगरोटा बगवां में लोगों की समस्याएं सुनने के उपरांत पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि राजीव गांधी स्टार्ट अप योजना के तहत प्रतिभागियों को तीन बीघा भूमि पर 100 किलोवाट क्षमता की परियोजना स्थापित करने के लिए 25 वर्षों तक लगभग 20,000 रुपये मासिक आय और क्रमश: पांच और दस बीघा भूमि में स्थापित की जाने वाली 200 किलोवाट और 500 किलोवाट क्षमता की परियोजनाओं के लिए 40,000 रुपये व एक लाख प्रतिमाह मासिक आय प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी स्टार्ट अप योजना के तहत, वित्तपोषण में राज्य सरकार द्वारा 70 प्रतिशत बैंक ऋण उपलब्ध करवाने में सहायता और राज्य सरकार द्वारा 30 प्रतिशत इक्विटी प्रदान की जाएगी। सौर ऊर्जा डेवलपर को केवल 10 प्रतिशत जमानत राशि जमा करवानी होगी। यह जमानत राशि 25 वर्षों के उपरान्त डेवलपर को वापिस कर दी जाएगी। पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध करवाने तथा ग्रामीण स्तर पर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं देने के लिए कृत संकल्प है इसके साथ ही लोगों की समस्याओं का घर द्वार पर समाधान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि जन-जन की समस्याओं का उनके घर-द्वार के समीप समाधान और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को देने के उद्देश्य से आज से 'सरकार आपके द्वारÓ कार्यक्रम आरंभ किया गया है। डॉ. शांडिल आज सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नौणी और शमरोड़ में 'सरकार आपके द्वार कार्यक्रमÓ के तहत लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने लोक निर्माण, जल शक्ति, ज़िला ग्रामीण विकास अभिकरण विभाग, विद्युत बोर्ड, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित विभिन्न विभागों से सम्बन्धित समस्याएं सुनी और अधिकारियों को इनके उचित निपटारे के निर्देश दिए। डॉ. शांडिल ने इससे पूर्व ग्राम पंचायत नौणी में 8 लाख रुपए की लागत से निर्मित ग्राम सभा भवन का लोकार्पण भी किया। स्वास्थ्य मंत्री ने ग्राम पंचायत नौणी के अनुसूचित जाति बहुल गांव रंगाह में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 5 लाख रुपए तथा पंचायत परिसर नौणी के निर्माण के लिए 5 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने ग्राम पंचायत शमरोड़ में सामुदायिक केन्द्र भवन के निर्माण के लिए पहली किश्त के रूप में 3 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने स्थानीय मेला मैदान की मुरम्मत के लिए 1.50 लाख रुपए तथा महिला मण्डल धर्जा को फर्नीचर इत्यादि की खरीद के लिए 25 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की।
-बाहे दा पट्ट में आयोजित नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में बोले मंत्री -कहा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा का नया भवन बनाया जाएगा कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर हलके का संपूर्ण विकास और यहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिये वे कटिबद्ध हैं। गोमा सोमवार को जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के बाहे दा पट्ट में नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम तथा राजकीय उच्च विद्यालय लोअर खैरा के वार्षिक उत्सव में बोले रहे थे। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर विधान सभा में विकास को योजनात्मक रूप में आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है, ताकि हर क्षेत्र को विकास से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि जनहित के सभी कार्य पूर्ण करेंगे और लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि खैरा क्षेत्र की मुख्य सड़क जो इस क्षेत्र को सुजानपर-हमीरपुर से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि बुहला खैरा से परागे-दा-गलू तक सड़क का विस्तार और सुधार के लिये नाबार्ड के अंतर्गत 16 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर सरकार को स्वीकृति के प्रेषित की गई है। उन्होंने कहा कि 16 किलोमीटर लंबी इस सड़क के विस्तारीकरण से हजारों लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि कुरु केलण सड़क पर मंद खड्ड में भी पुल निर्माण के लिये 3 करोड़ 18 लाख रुपये तथा कुरु केलण सड़क के निर्माण 2 करोड़ 25 लाख खर्च किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय शिवनगर के नए भवन के निर्माण पर 5 करोड खर्च हो रहे हैं और लगभग इसका कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से नयें भवन में कक्षाओं को आरम्भ कर दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा का नया भवन बनाया जाएगा और इसके लिए अगले बजट में धनराशि उपलब्ध करवाई जायेगी और यहां 20 से 25 बिस्तरों के अस्पताल के रूप में स्थापित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल के लिये एम्बुलेंस भी उपलब्ध करवाई जायेगी। उन्होंने बाहे दा पट्ट मैदान में हाई मास्क लाइट देंने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय की मांगों को भी चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि खैरा ज़ोन गांवों में पेयजल के सुधार के लिए भी नयीं पाइप लाइन बिछाने के साथ साथ टैंको का निर्माण किया गया है। विद्यालय की ओर मुख्यमंत्री राहत कोष के लिये 11 हजार का ड्राफ्ट मंत्री यादविंदर गोमा को सौंपा गया। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढवाल, प्रधान ग्राम पंचायत बाहे दा पट्ट विनोद कुमार, उपप्रधान राजिंदर कटोच, रश्मपाल भगांलिया, विभिन्न पंचायतों के प्रधान और उप प्रधान, अधिशाषी अभियंता विजय वर्मा, सरवन ठाकुर, डीएफओ नितिन पाटिल, तहसीलदार सार्थक शर्मा, मुख्याध्यापक बलविंदर कटोच, सिकंदर कुमार विभिन्न विभागों के अधिकारी, छात्र, अभिभावक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
-कहा, लंबित राजस्व मामलों का त्वरित निपटारा प्रदेश सरकार की प्राथमिकता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रशासनिक सचिवों के साथ आज यहां मंडे मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित पहली राजस्व लोक अदालत से अब तक 65000 से अधिक इंतकाल के मामलों का निपटारा किया गया है। इनमें से 11420 इंतकाल के मामले और 1217 तकसीम के मामले इस वर्ष 4 और 5 जनवरी को आयोजित तीसरी राजस्व लोक अदालत में निपटाए गए। उन्होंने कहा कि अगली राजस्व लोक अदालतें 30 और 31 जनवरी को आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है कि तकसीम के मामलों की निपटान दर 200 प्रतिशत दर्ज की गई है। 3 दिसंबर, 2023 से 5 जनवरी, 2024 तक तकसीम के 1823 नये मामले निपटारे के लिए आए जबकि इस अवधि में तकसीम के 3544 लंबित मामलों का निपटारा किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लंबित राजस्व मामलों को समयबद्ध निपटाने को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है, जिससे राजस्व लोक अदालतों को लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोगों को घर-द्वार पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल आने वाले पर्यटकों को सहज और यादगार अनुभव प्रदान करने के लिए बुनियादी पर्यटन ढांचे को विकसित करने पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने राज्य सरकार के सभी पर्यटन होटलों, हिमाचल भवन, हिमाचल सदन और विभिन्न विभागों के विश्राम गृहों में क्यूआर कोड आधारित ऑनलाईन भुगतान की सुविधा प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन विभाग को पर्यटकों को दी जाने वाली सेवाओं में और सुधार सुनिश्चित करने को भी कहा। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना का पहला चरण शुरू किया है, जिसमें राज्य के युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए ई-टैक्सी परमिट की पेशकश की गई है। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न स्थानों में स्थापित किए जा रहे ई-चार्जिंग स्टेशनों की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह कदम राज्य के स्वच्छ पर्यावरण को संरक्षित करने और 31 मार्च, 2026 तक हिमाचल प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
-शराब पीने और गाली-गालौज करने पर 5 हजार होगा जुर्माना हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की करेरी पंचायत में अगर कोई शराब बेचता हुआ पाया गया तो उसे 10 हजार जुर्माना किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के तहत पड़ी पंचायत करेरी और यूथ क्लब की एक संयुक्त बैठक में यह प्रस्ताव पास किया गया। पंचायत की प्रधान सुषमा देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्राम पंचायत के अन्य सदस्य मौजूद थे। बैठक में निर्णय लिया गया कि करेरी पंचायत में कोई भी व्यक्ति शराब नहीं बेचेगा और न ही शराब पीएगा। यदि कोई भी व्यक्ति शराब बेचता हुआ पाया गया तो उसे 10 हजार रुपये जुर्माना देना पड़ेगा। वहीं, जो व्यक्ति शराब पीता पाया गया, उसे 5000 जुर्माना देना पड़ेगा। इसके अतिरिक्त कोई व्यक्ति गाली-गलौज करता हुआ पकड़ा गया तो उसे भी 5000 जुर्माना देना पड़ेगा। प्रधान सुषमा देवी ने बताया कि गांव में पिछले कई समय से कुछ लोग सरेआम शराब बेच रहे हैं, जिसके कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है। इसके साथ ही युवा पीढ़ी पर भी इसका गलत असर पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए पंचायत में यह निर्णय लिया है। ग्राम सभा में इसके लिए प्रस्ताव भी पारित किया गया है। खास बात यह है कि यह निर्णय युवा क्लब करेरी के सहयोग और समर्थन से लिया गया है।
-मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने किया कैल्शियम क्लोराइड ब्राइन प्लांट का उद्घाटन -शिमला के बाद अन्य स्थानों पर भी किया जाएगा इस्तेमाल लोक निर्माण विभाग ने बर्फबारी से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। विभाग पहली बार कैल्शियम क्लोराइड से सड़कों पर से बर्फ हटाएगा। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज शहर की पहली कैल्शियम क्लोराइड ब्राइन मशीन का उद्घाटन किया है। शिमला में यह मशीन आरटीओ कार्यालय के बाहर स्थापित की गई है। प्लांट एक दिन में 6,000 लीटर कैल्शियम क्लोराइड बना सकता है। इसके अलावा विभाग ने मंत्री को कैल्शियम क्लोराइड ब्राइन सॉल्यूशन की स्प्रे करके पूरी प्रक्रिया के बारे में भी बताया। प्लांट से 500 रुपये लागत में एक किलोमीटर सड़क पर कैल्शियम क्लोराइड ब्राइन सॉल्यूशन छिड़क कर सड़क पर बर्फ जमने से रोकी जा सकती है। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ अजय गुप्ता ने बताया कि मशीन में बर्फ पिघलाने का कैमिकल तैयार होगा। इस कैमिकल को पिकअप के माध्यम से बर्फीले क्षेत्रों की सड़कों तक पहुंचाया जाएगा। जैसे-जैसे बर्फबारी का मौसम बनेगा, उससे पहले सड़कों पर इसका पहला छिड़काव किया जाएगा। इससे सड़क पर बर्फ नहीं टिकेगी। जिन सड़कों पर बर्फ जम गई है, वहां यह स्लूशन पांच मिनट के भीतर बर्फ पिघला देगा। शिमला के बाद अन्य बर्फबारी वाली जगहों में इस स्लूशन का प्रयोग किया जाएगा।
हिमाचल के जिला कुल्लू के भुंतर थाना की टीम ने एक व्यक्ति से चरस बरामद की है। भुंतर थाने में व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज हुआ है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस थाना भुंतर की टीम गड़सा मार्ग पर गश्त पर थी तो इस दौरान पुलिस ने शक के आधार पर एक व्यक्ति को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 211 ग्राम चरस बरामद हुई। चरस के साथ गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान 51 वर्षीय लुदर चंद निवासी गांव नाही डाकघर रोपा तहसील बंजार के रूप में हुई है। व्यक्ति के विरुद्ध थाना भुंतर में मादक पदार्थ अधीनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।
जवाली के चलवाड़ा में 29 दिसंबर को गगन सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था। गगन का कहना है कि मामले में अभी तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित ने बताया कि 29 दिसंबर को जब वह अपने खेतों में गेहंू की फसल को पानी लगा रहा था, तो गांव के ही एक व्यक्ति ने उसके बेटे के साथ हाथापाई शुरू कर दी। बेटे ने घर आकर मुझे बताया उसके साथ किसी ने हाथापाई की है। जब गगन सिंह अपने खेतों में जा रहे थे तो हमलावर ने उस पर दराट से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें छुड़ाया गया व उपचार के लिए ज्वाली अस्पताल ले गए। जहां पुलिस द्वारा गगन सिंह के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया गया। गगन ने कहा कि उन पर तीन लोगों ने हमला किया था, किंतु मामला एक व्यक्ति पर ही दर्ज हुआ है। मामले में आगामी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं, मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी जवाली विरी सिंह ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित व्यक्ति का मेडिकल करवाया गया है व अल्ट्रासाउंड करवाने को कहा है। मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-सभी वर्गों के लिए एक इंच बढ़ाई गई लंबाई -महिलाओं को 30 फीसदी आरक्षण हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव से पहले होने वाली पुलिस कांस्टेबल भर्ती नियमों में सरकार ने कुछ बदलाव किए हैं। अब सभी वर्गों के लिए एक-एक इंच लंबाई बढ़ाई गई है। सामान्य वर्गों के लिए पुरुष भर्ती के लिए लंबाई 5.6 फीट, आरक्षित वर्गों के लिए 5.4, महिलाओं के लिए 5.2 फीट रखी गई है। पुलिस मुख्यालय 1228 पदों को भरने की औपचारिकताएं पूरी करे में जुटा है। संशोधित पुलिस भर्ती में महिलाओं को 30 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। इससे पहले महिलाओं को भर्ती में 25 फीसदी का आरक्षण दिया जाता रहा है। प्रदेश सरकार ने महिलाओं को राहत देने के लिए नियमों में संशोधन किया है। लोकसेवा आयोग के माध्यम से यह भर्ती होगी। पुलिस मुख्यालय की ओर से इसके लिए 15 दिन के भीतर आपत्ति और सुझाव मांगे गए हैं। उल्लेखनीय है कि पुलिस की भर्ती काफी समय से लटकी थी। कांग्रेस सरकार ने इस प्रक्रिया को शुरू किया है। पुरुषों को साढ़े पांच मिनट में पूरी करनी होगी 1500 मीटर दौड़ पुरुष अभ्यर्थियों को 1500 मीटर दौड़ साढ़े पांच मिनट तक पूरी करनी होगी। महिलाओं के लिए 800 मीटर दौड़ होगी। यह उन्हें 3 मिनट 45 सेकंड में पूरा करनी होगी। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 1.35 मीटर और महिलाओं के लिए 1.10 मीटर ऊंची कूद में भाग लेना होगा। इसके लिए उन्हें तीन प्रयास मिलेंगे। पुरुषों को 4 मीटर और महिलाओं को 3 मीटर लंबी छलांग लगानी होगी। इसके अलावा पुरुषों को 100 मीटर की दौड़ 14 सेकंड और महिलाओं को 17 सेकंड के भीतर पूरी करनी होगी।
-नशे के विरुद्ध हिमाचल सरकार की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नशा समाज का दुश्मन है और नशे के विरुद्ध हिमाचल सरकार की जीरो टॉलरेंस है। उन्होंने कहा कि नशे को जड़ से खत्म करने के लिए हर सख्त से सख्त कदम उठाया जाएगा, नशा माफिया को कुचलना, देवभूमि को नशा मुक्त बनाना हम सब का लक्ष्य है। मुकेश अग्निहोत्री ने जहां जारी एक बयान में कहा कि नशे पर किसी को भी किसी प्रकार का समझौता नहीं करना है। उन्होंने कहा कि जो बच्चे नशे में फंसे हैं उन्हें भी इस दलदल से निकलना है और नौजवान इसमें न फंसे इसके लिए हमें काम करना है। उन्होंने कहा कि हर घर को जागना होगा, हर स्कूल को जागना होगा, शिक्षण संस्थान को जागना होगा। अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करना होगा, हर घर में अलख जगानी होगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नशे के साथ समाज का नुकसान हो रहा है, परिवारों का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि नशे को कुचलने के लिए पुलिस को फ्री हैंड दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस नशा माफिया को खत्म करने के लिए कड़े से कड़े कदम उठाए। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनेता की सिफारिश को नशे के मामले में स्वीकार न किया जाए। अगर कोई नेता नशे में फंसे व्यक्ति को बचाने के लिए पुलिस पर दबाव डालता है तो पुलिस उसका नाम सार्वजनिक करें। उन्होंने कहा कि और यदि नशे व्यापारियों या माफिया के साथ पुलिस की संलिप्ता पाई गई तो ऐसे पुलिसकर्मी को नौकरी से बर्खास्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खाकी वर्दी दलेरी के साथ देवभूमि को नशा मुक्त करें ,हमारा पूरा समर्थन कानून व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस को है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा। नशे के विरुद्ध लोगों को जागरूक करने का अभियान जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं तो जिस भी गांव में जा रहा हूं, जिस भी जिला मैं जाता हूं, अपने विधानसभा क्षेत्र में स्कूलों के कार्यक्रम में हर जगह में नशे को लेकर के स्पष्ट चेतावनी देता हूं और सभी से अपील करता हूं कि नशा मुक्त हिमाचल बनाने में सब सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यह किसी एक अकेले का काम नहीं है, सबको साथ आना होगा, महिला शक्ति को, युवा वर्ग को पुलिस को, सबको मिलकर के आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि हमने केंद्र से भी आग्रह किया है कि कानून को नशा खत्म करने के लिए सख्त बनाया जाए इसके लिए हम लगातार प्रयासरत हैं और जो भी संभव होगा सख्ती की जाएगी, माफिया के साथ कोई हमदर्दी नहीं है,दो टूक बात समझ ली जाए कि माफिया को कुचलना ही हमारा लक्ष्य है।
- प्रतिभा सिंह अध्यक्ष, कमेटी में सीएम सुक्खू भी शामिल - मंत्री पद न मिलने से नाराज चल रहे सुधीर व राणा भी मेंबर कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए हिमाचल प्रदेश में इलेक्शन कमेटी गठित कर दी है। 20 सदस्यों वाली इस कमेटी की अगुआई प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह करेंगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी उनकी अध्यक्षता में कमेटी में काम करेंगे। कमेटी में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, मंत्री पद न मिलने से नाराज चल रहे विधायक सुधीर शर्मा व राजेंद्र राणा सहित 20 सदस्य हैं। कमेटी में विप्लव ठाकुर, आशा कुमारी, ठाकुर कौल सिंह, रामलाल ठाकुर, कुलदीप कुमार, कुलदीप राठौर, जगत सिंह नेगी, चंद्र कुमार, कर्नल धनीराम शांडिल, विनय कुमार को शामिल किया गया है। इनके अलावा प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, एनएसयूआई अध्यक्ष, सेवा दल अध्यक्ष और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष को भी सदस्य बनाया गया है।
जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के एक सोशल मीडिया पर वायरल लड़ाई झगड़े के मामले पर कांग्रेस नेता सुरेंद्र मनकोटिया सामने आए हैं। मनकोटिया ने कहा की एक वीडियो में जदामन गांव के व्यक्ति साथ मारपीट का वाक्या सामने आया है, जिसमें उक्त व्यक्ति की पत्नी द्वारा उनपर व उनके संबंधियों पर बेरहमी से मारपीट के आरोप लगाये हैं। उन्होंने कहा कि जीवन ने इंटरनेट मीडिया पर उनके खिलाफ अपशब्द बोले थे, इस पर उनके भतीजे ने उसके खिलाफ पुलिस से शिकायत की थी। उसके बाद से वह दो दिन और एक रात पुलिस हिरासत में रहा है ऐसे में बड़ा सवाल है कि उस पर किसी ने कब हमला कर दिया। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को मनकोटिया ने पति-पत्नी का रचाया ड्रामा करार दिया है। उनके अनुसार गुंडागर्दी भाजपा करती है। उन्होंने भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि गुंडागर्दी भाजपा शासनकाल में होती रही है। जब भाजपा के युवा नेताओं ने संसारपुर टैरेस स्थित विश्राम गृह में एसडीओ पर भी जानलेवा हमला किया था। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री पति-पत्नी के रचाए ड्रामे को सच साबित करने की कोशिश में हैं।
जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक और पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने अपने हलके में एक युवक की बेरहमी से हुई पिटाई के मामले का कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने सुक्खू की सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ लगता है और इस क्षेत्र में एक युवक को किस तरह बेरहमी के साथ पीटा गया। बिक्रम ठाकुर ने जदामण गांव से जीवन कुमार नामक युवक की बेरहमी से हुई पिटाई के मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कांग्रेसी नेता के इशारे पर जीवन कुमार को उसके घर के निकट बेरहमी के साथ पीटा गया। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और अभी तक दोषियों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई न होना चिंताजनक है। बिक्रम ने जसवां परागपुर क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं को कांग्रेस का सियासी आतंक बताते हुए कहा कि किसी भी सूरत में इस तरह के कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिक्रम ठाकुने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि लोक निर्माण विभाग में एक कार्य के लिए 10 फीसदी कमीशन के चलते इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है। अपने आप को सीएम का खासमखास बताने वाले नेता ने कानून का सहारा क्यों नहीं लिया? आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता के इशारे पर उसके सगे संबंधियों तथा अन्य समर्थकों ने घर जाकर जीवन कुमार नामक युवक पर जानलेवा हमला किया, जिससे उसे शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जीवन कुमार की पत्नी का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वे न्याय की गुहार लगा रही हैं लेकिन अभी तक पुलिस ने दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया है । उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर जीवन कुमार द्वारा हमारे खिलाफ भी वीडियो पोस्ट किए गए थे लेकिन हमने अपने किसी भी कार्यकर्ता को कानून अपने हाथ में नहीं लेने दिया। हमने कानून का सहारा लिया और इस बाबत पुलिस में शिकायत की।
-कहा, विपक्ष की कमियां नहीं; अपनी उपलब्धियां बताए सरकार -मंत्री तो बनाए, पर पोर्टफोलियो नहीं दे पा रही सुक्खू सरकार शिमला: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार बने अब एक साल से भी ज्यादा का समय हो गया है। इसलिए सरकार को विपक्ष को कोसने के बजाय प्रदेश के विकास पर स्वयं को फोकस करना चाहिए। अब सरकार को विपक्ष की कमियां नहीं, बल्कि अपनी उपलब्धियां बतानी चाहिए। विपक्ष को कोसने से नहीं, विकास कार्यों को गति देने से प्रदेश का भला होगा। इसलिए सरकार अपनी नाकामी का ठीकरा विपक्ष पर फोड़ने के बजाय अपने नेताओं द्वारा किए गये चुनावी वादों के भाषणों को को फिर से सुने तथा घोषणापत्र को फिर से पढ़े और उन्हें पूरा करे। जयराम ने कहा कि सरकार ने व्यवस्था का मजाक बना रखा है। व्यवस्था परिवर्तन में आज ऐसे स्थिति है कि 'धरना दो और वेतन लो'। क्या इसी तरह की व्यवस्था परिवर्तन की बात शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री द्वारा की गई थी। प्रदेश में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि आए दिन लोगों को परेशान किए जाने की खबरें ही सरकार की नाकामी की वजह से सामने आ रही हैं। महंगाई बढ़ाने से लेकर पूर्व सरकार द्वारा दी गई सुविधाओं को छीनने के अलावा और कोई भी काम इस सरकार द्वारा नहीं किया गया है। आज भी यही क्रम जारी है। कभी बिजली बर्ड तो कभी परिवहन निगम के कर्मचारी अपने वेतन की मांग के लिए सड़कों पर उतरते हैं तो कभी धरना देने की धमकी देते हैं। प्रदेश को इस तरह का व्यवस्था परिवर्तन नहीं चाहिए जो काम के बदले वेतन भी नहीं दे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का एक और नज़ारा वर्तमान कांग्रेस सरकार में देखने को मिल रहा है। मंत्रियों के पद ख़ाली रखकर सीपीएस की नियुक्तियां की गई हैं। एक साल तक आपसी रार में सरकार निर्धारित संख्या में मंत्री तक नहीं बना पाई। अब जब एक साल बाद मंत्री बना दिया तो उन्हें पोर्टफोलियो नहीं दे पा रही है। दो मंत्री बिना किसी पोर्टफ़ोलिया के ही चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने एक साल बाद मंत्री बना दिया है तो शपथ ग्रहण के महीनें भर के भीतर उन्हें विभाग भी दे दे, जिससे विभागों के काम आगे बढ़ सकें।
-राजस्व मंत्री कृष्ण बायरे गोडा ने जनहित में सराहनीय पहल दिया करार -कहा, बेहतरीन कार्य कर रही हिमाचल की कांग्रेस सरकार कर्नाटक के राजस्व मंत्री कृष्ण बायरे गोडा ने हिमाचल सरकार के इंतकाल अदालतें के आयोजन को जनहित में एक सराहनीय पहल करार दिया है। रविवार क बेंगलुरु में हिमाचल के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया और इंदौर के विधायक मलिंदर राजन के साथ कर्नाटक के राजस्व मंत्री ने औपचारिक भेंट में यह कहा कि हिमाचल की सुखविंदर सिंह की सरकार बेहतरीन कार्य कर रही है। बता दें कि आपदा के दौरान भी प्रदेश सरकार के प्रयासों को नीति योग से लेकर वर्ल्ड बैंक तक की जैसी एजेंसियों ने भी ने खूब सराहा है। उन्होंने कहा की हिमाचल की सरकार ने कर्मचारियों के हितों में ओल्ड पेंशन का निर्णय लेकर बढ़िया कदम उठाया है। इस अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने कर्नाटक के राजस्व मंत्री को अवगत करवाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित राजस्व लोक अदालतें राज्य के लोगों के लिए फायदेमंद साबित हो रही हैं। इनके माध्यम से इंतकाल और तकसीम के हजारों मामलों का निपटारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 4 व 5 जनवरी, 2024 को आयोजित राजस्व लोक अदालतों में 24,091 मामलों का निपटारा किया गया, जिनमें इंतकाल के 20,547 मामले थे। दिसम्बर, 2023 में प्रदेश की राजस्व अदालतों में तकसीम के कुल 1,823 मामले दर्ज किए गए। 3 दिसम्बर, 2023 से 5 जनवरी, 2024 तक तकसीम के रिकॉर्ड 3,544 मामलों का निपटारा किया गया, जोकि इस दौरान दर्ज मामलों का लगभग 200 प्रतिशत है। उन्होंने बताया प्रदेश सरकार भविष्य में भी राजस्व लोक अदालतों का आयोजन करेगी ताकि प्रदेशवासियों के राजस्व से जुड़े मामलों का शीघ्र निपटारा किया जा सके।
-कहा, हिमाचल के लोगों की देव संस्कृति में गहरी आस्था -प्रदेश की प्राचीन संस्कृति का प्रतीक है यह महायज्ञ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज जिला शिमला के रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के गवास में 36 वर्षों के बाद आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय शांत महायज्ञ में शामिल हुए और देवता गुडारू जी महाराज के मंदिर में पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख और समृद्धि की कामना की। क्षेत्र में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 36 वर्षों बाद यह महायज्ञ धूमधाम के साथ आयोजित किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं। क्षेत्रवासियों को शांत महायज्ञ की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों की देव संस्कृति में गहरी आस्था है, इसीलिए हिमाचल प्रदेश को देवभूमि कहा जाता है। यह महायज्ञ हिमाचल प्रदेश की प्राचीन संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सभी निवासियों की देवी-देवताओं में गहरी आस्था तथा सभी को अपनी पुरातन संस्कृति पर गर्व है। मुख्यमंत्री ने युवा पीढ़ी से इस प्राचीन संस्कृति को सहेज कर रखने की अपील की। शांत महायज्ञ में क्षेत्र के हजारों लोग पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। साथ ही रोहड़ू और जुब्बल क्षेत्र के सात देवता और 13 खूूंद शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा ने भी क्षेत्रवासियों को महायज्ञ की बधाई दी और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का रोहड़ू पहुंचने पर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी कर्नल कुलदीप सिंह बांशटू तथा रितेश कपरेट, उपायुक्त आदित्य नेगी व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
-सीपीएस ने पकोटी स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को किया संबोधित मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) ने कहा कि छात्रों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ अपनी परंपराओं, रिति-रिवाजों और संस्कृति की जानकारी होना आवश्यक है। संजय अवस्थी आज सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पकोटी के राजकीय उच्च विद्यालय में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने कहा कि अपनी परम्पराओं, रिति-रिवाजों और संस्कृति की जानकारी सबसे पहले छात्र अपने घर से प्राप्त करते हैं इसलिए यह आवश्यक है कि अभिभावक अपने बच्चों को परंपराओं, रिति-रिवाजों और संस्कृति की जानकारी दें। उन्होंने स्कूल में खेल मैदान के निर्माण के लिए औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत एक लाख तथा स्कूल में रास्ता व मंच निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने राजीव गांधी सेवा केंद्र की सुरक्षा दीवार लगाने के लिए एक लाख रुपए तथा ग्राम पंचायत संघोई में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए एक लाख की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल के छात्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 2100 रुपये तथा आयोजक समिति को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। मुख्य संसदीय सचिव ने इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया और आशा जताई कि सभी विद्यार्थी भविष्य में इससे बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और इनके शीघ्र निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत संघोई के कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने 28 हजार रुपए का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान किया। अंशदान के लिए मुख्य संसदीय सचिव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर ने बताया कि गगल हवाई अड्डा के विस्तारीकरण में भड़ोत, जुगेहड़, क्योड़ियां, बल्ला, सहौड़ा, भेड़ी व ढुगियारी खास महालों के प्रभावित परिवारों का विवरण/ सूचियां पुनर्वासन एवं पुनार्व्यस्थापन योजना के तहत तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि भड़ोत, जुगेहड़ व क्योड़ियां का रिकॉर्ड कार्यालय पटवार वृत्त रछयालू, बल्ला का कार्यालय पटवार वृत्त मटौर, सहौड़ा का कार्यालय पटवार वृत्त अब्दुल्लापुर तथा भेड़ी व ढुगियारी खास का विवरण पटवार वृत्त बैदी के कार्यालय में समीक्षा के लिए रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 8 व 9 जनवरी को उक्त रिकॉर्ड, राजस्व अधिकारियों की उपस्थिति में समीक्षा हेतु रखा गया है, जिसमें प्रत्येक प्रभावित परिवार का विवरण अंकित किया गया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों से अनुरोध किया है कि वे संबंधित पटवार वृत्त कार्यालयों में आकर उक्त सूचियों में अपना विवरण देख सकते हैं व अपने विवरणों में पाई जाने वाली त्रुटियों का निवारण करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त यह भी प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति अपने परिवार के आधार कार्ड की प्रतियां साथ लेकर आएं।
-एक वर्ष में राज्य में स्थापित किए 102 स्वचालित मिल्क कलेक्शन यूनिट -दूध का खरीद मूल्य 6 रुपये बढ़ाने की मुख्यमंत्री ने की है घोषणा पशु पालन और दुग्ध उत्पादन गतिविधियां प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन का अभिन्न अंग हैं। प्रदेश में ये रोजगार का साधन और महिला सशक्तिकरण की संभावनाओं वाला क्षेत्र है। डेयरी क्षेत्र को विस्तार प्रदान कर प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर हिमाचल को देश का समृद्ध राज्य बनाने की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दुग्ध उत्पादकों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से दूध का खरीद मूल्य 6 रुपये बढ़ाने की घोषणा की है। यह निर्णय दुग्ध उत्पादकों की खुशहाली और समृद्धि की दिशा में सहायक सिद्ध होगा। दुग्ध उत्पादकों की आर्थिकी सुदृढ़ करने और दुग्ध उत्पादन में पारदर्शिता लाने के लिए हिमाचल प्रदेश दुग्ध प्रसंघ ने इस वर्ष राज्य में 102 स्वचालित मिल्क कलेक्शन यूनिट (एएमसीयू) में स्थापित किए हैं। प्रदेश में 455 स्वचालित मिल्क कलेक्शन यूनिट कार्यशील हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में विभिन्न परियोजनाओं के अन्तर्गत अब तक 106 बल्क मिल्क कूलर लगाए जा चुके हैं। दूध की गुणवत्ता में सुधार के लिए सोसायटी स्तर पर राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम के तहत 35 केन मीटर कूलर प्रदान किए गए हैं। 500 करोड़ की श्वेत क्रांति की शुरुआत प्रदेश सरकार राज्य में सहकार को बढ़ावा प्रदान कर ग्रामीणों की उन्नति के द्वार खोल रही है। डेयरी क्षेत्र के विकास में सहकार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सरकार द्वारा ग्रामीण स्तर पर समितियों को संगठित किया जा रहा है। वर्तमान में इन समितियों की संख्या बढ़कर 1,107 हो गई है। प्रदेश में श्वेत क्रांति की शुरुआत कर प्रदेश सरकार ने 500 करोड़ रुपये के बजटीय प्रावधान से महत्वाकांक्षी हिम गंगा योजना आरंभ की है। योजना के तहत प्रथम चरण में लोगों को जागरूक करने के लिए समितियां गठित की गई हैं। जिला हमीरपुर और कांगड़ा में 201 नई दुग्ध सहकारी सोसायटियों का गठन किया गया है। जिला हमीरपुर में 11 महिला सोसायटियां और जिला कांगड़ा में 8 महिला सोसायटियां गठित की गई हैं जो प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार के प्रयासों को इंगित करती हैं। हमीरपुर जिला में 4 सोसायटियों को पुनर्गठित किया गया है। इन दुग्ध सहकारी सोसायटियों के माध्यम से 4064 किसानों को जोड़ा गया है। कांगड़ा के डगवार में 250 करोड़ का दूध प्रसंस्करण संयंत्र डेयरी क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए इस योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों का गठन किया जा रहा है। डेयरी फार्मिंग से जुड़े किसानों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से जिला कांगड़ा के डगवार में 250 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक पूर्ण रूप से स्वचालित दूध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना के प्रथम चरण में 180 करोड़ रुपये के निवेश से संयंत्र का निर्माण किया जाएगा। इस संयंत्र के स्थापित होने से दही, लस्सी, मक्खन, घी, पनीर, स्वादिष्ट दूध, खोया और मोजेरेला पनीर सहित विभिन्न प्रकार के डेयरी उत्पाद तैयार किए जाएंगे। रोजगार सृजन का मार्ग प्रशस्त करने के साथ-साथ डेयरी क्षेत्र कुपोषण जैसी समस्याओं के समाधान में भी सहायक सिद्ध हो रहा है। हिमाचल प्रदेश दुग्ध प्रसंघ ने महिला एवं बाल कल्याण विभाग के लिए पंजीरी तैयार करने की गतिविधियों में विविधता लाई है। दुग्ध प्रसंघ द्वारा फोर्टीफाइड पंजीरी, फोर्टीफाइड बेकरी बिस्कुट, फोर्टीफाइड गेहूं सेवियां और होल मिल्क पाऊडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। सरकार की यह पहल प्रदेश के नौनिहालों के स्वस्थ्य और खुशहाल भविष्य की नींव रख रही है।
-प्रतिदिन उपलब्ध करवाया जा रहा है प्रोटीनयुक्त पौष्टिक आहार -बाल विकास परियोजना अधिकारी विपाशा भाटिया ने दी जानकारी बाल विकास परियोजना अधिकारी करसोग विपाशा भाटिया ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से राज्य सरकार की जनहितैषी व कल्याणकारी योजनाओं से गर्भवती व धात्री माताओं व बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है। बच्चों और गर्भवती महिलाओं को पूरक पोषाहार, पोषण एवं स्वास्थ्य परामर्श, अनौपचारिक पूर्व विद्यालय शिक्षा, स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। अधिकारी ने कहा कि करसोग में वर्तमान में 288 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इनमें 259 आंगनबाड़ी केंद्र, 25 मिनी आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में, जबकि 4 आंगनबाड़ी केंद्र शहरी क्षेत्र में चलाए जा रहे हैं। इनके माध्यम से 7517 लाभार्थी लाभान्वित हो रहे हैं, जिनमें 0 से 6 वर्ष की आयु के बच्चे, गर्भवती व धात्री महिलाएं शामिल हैं। लाभार्थियों को प्रतिदिन प्रोटीनयुक्त पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत संचालित किए जा रहे कुल आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 7517 पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। इनमें गर्भवती महिलाएं, धात्री माताओं सहित 0-6 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चे शामिल हैं। इन्हें पूरक पोषाहार, पोषण एवं स्वास्थ्य परामर्श, अनौपचारिक पूर्व विद्यालय शिक्षा, स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए भी अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही है। पोषाहार किया जा रहा है प्रदान करसोग में संचालित किए जा रहे सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को प्रतिदिन प्रोटीन युक्त स्वास्थ्य वर्धक पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाया जा रहा है। पोषाहार कार्यक्रम के अन्तर्गत क्षेत्र के 6 माह से 3 वर्ष की आयु वर्ग के 2861 बच्चों, 3 से 6 वर्ष की आयु के 1386 बच्चों और 1003 माताओं को पोषाहार प्रदान किया जा रहा है। पूरक पोषक आहार में प्रतिदिन बच्चों को 500 कैलोरी, 12 से 15 ग्राम प्रोटीन और अतिकुपोषित बच्चों को 800 कैलोरी व 20 से 25 ग्राम प्रोटीन प्रतिदिन उपलब्ध करवाया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं को प्रतिदिन 600 कैलोरी व 20 से 25 ग्राम प्रोटीन प्रदान किया जाता है, जिसका उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं में होने वाली प्रोटीन की कमी को पूरा करना है। पोषाहार में बच्चों और माताओं को पुलाव, मीठा दलिया, मीठे चावल, नमकीन दलिया, सेवियां, राजमह, चने, न्यूट्रीमिक्स और बिस्कुट आदि उपलब्ध करवाए जाते हैं। सभी निर्धारित रेसिपी सप्ताह में 6 दिन बदल-बदल कर दी जाती है। टीकाकरण किया जा रहा सुनिश्चित स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से गर्भवती महिलाओं को टेटनस व 0 से 1 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को 6 जानलेवा बीमारियों से बचाव व रोकथाम हेतु टीकाकरण करवाने में आंगनबाड़ी केंद्र अपनी महत्वपूर्ण भमिका निभा रहे हैं। गर्भवती महिलाओं व बच्चों की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से समय-समय पर उनका टीकाकरण करवाया जा रहा है। करसोग में एक अप्रैल, 2023 से 30 नवंबर, 2023 तक पंजीकृत सभी 681 बच्चों के टीकाकरण का कार्य पूर्ण किया चुका है।
भारतीय जनता पार्टी जसवां-परागपुर मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला देहरा प्रवक्ता विनोद शर्मा ने कहा कि दोदू राजपूतां में पंचायत घर निर्माण में कोई राजनीति नहीं हो रही है। जो लोग आरोप लगा रहे हैं, वे ही इस विषय में राजनीति कर रहे हैं। विनोद ने कहा कि जिस स्थान पर यह पंचायत घर बनाया जा रहा है, वह सबसे उपयुक्त है। जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं, जब उनसे जमीन मांगी गई थी तो किसी ने भी इसके लिए हामी नहीं भरी थी। अब जब पंचायत घर का निर्माण होने जा रहा था, तो इसे रोकने का प्रयास किया जा रहा है। विनोद शर्मा ने कहा कि कुछ लोग जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। पंचायत का विकास हो इसके लिए सब एक होकर आगे आएं न कि हर मुद्दे को राजनीति का रूप दें। इस विषय पर दलगत राजनीति से उठकर सब एक हो जाएं।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा में व्याख्यान का आयोजन किया गया। इसमें हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ. चमन लाल बंगा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने व्याख्यान में बीएड के विद्यार्थियों को ज्ञान कौशल और सकारात्मक सोच व दृष्टिकोण रखने की सलाह दी, ताकि अपने लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। व्याख्यान के दौरान उन्होंने बीएड के छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की कुछ जानकारियां साझा की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में अपनी संस्कृति की समृद्धि को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए हमें भरसक प्रयास करने चाहिए। व्याख्यान के दौरान छात्र-छात्राओं ने काफी उत्साह दिखाया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रशांत कुमार द्वारा उनको स्मृति सिन्हा देकर सम्मानित किया गया।
-सात मील के पास हुई दुर्घटना, हादसे में एक गंभीर जख्मी -राजस्थान नंबर की कार में मनाली की तरफ जा रहे तीनों हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में आज सुबह एक दर्दनाक दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक आज सुबह चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर सात मील के पास एक कार अनियंत्रित होकर फोरलेन के निर्माणाधीन पुल के लिए खड़े किए गए सरियों में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। राजस्थान नंबर की कार में सवार ये तीनों लोग मनाली की तरफ जा रहे थे। मंडी में सात मील के पास जहां पर यह कार गिरी, वहां पर फोरलेन के निर्माणाधीन पुल का कार्य चला हुआ है। कार निर्माणाधीन पुल के एक कोने पर खड़े किए सरियों पर जा गिरी। वहीं, जब स्थानीय लोगों को दुर्घटना का पता चला तो ही तुरंत प्रभाव से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया और तीनों घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया गया। सभी को घायलावस्था में मंडी के जोनल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
-कहा, कुलपति पर हुए हमले मामले में आरोपियों में भाजपा के करीबी ज्यादा भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं रहा है, जिसे लेकर वह सरकार पर बात करे, ऐसे में हर बात को मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा यदि अपने पिछले 5 साल के अपने कार्यकाल में सरकारी धन से की गई कथित ऐश परस्ती व धांधलियों पर नजर डाले तो अच्छा होगा। यह बयान ब्लॉक कांग्रेस इंदौरा के अध्यक्ष दविंद्र मनकोटिया, पौंग बांध विस्थापन पुनर्वास बोर्ड के निदेशक मंडल सदस्य कुलदीप कीपा, डॉ. विशाल ठाकुर, प्रधान भोपाल कटोच व ब्लॉक उपाध्यक्ष कांग्रेस मनजीत ठाकुर ने संयुक्त रूप से दिया। वे हाल ही में अरनी यूनिवर्सिटी के चांसलर द्वारा दर्ज करवाए गए कथित हमले के मामले पर भाजपा द्वारा की जा रही राजनीतिक बयानबाजी पर पलटवार करने हेतु वन विभाग विश्राम गृह इंदौरा में प्रेस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के जो नेता कल तक यह कह रहे थे कि कांग्रेस की सरकार में माफिया का राज है और कांग्रेसी लोग सत्ता के नशे में गुंडागर्दी कर रहे हैं, वे बताएं कि जिन लोगों के नाम उक्त मामले में सामने आए हैं उनमें से भाजपा के कितने हैं और उन पर भाजपा चुप क्यों है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता बताएं उक्त मामले में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं उनमें से भाजपा के नेताओं के कारोबारी पार्टनर कौन-कौन हंै। वहीं भाजपा द्वारा स्थानीय विधायक व एसडीएम के नाम पर मामला दर्ज करवाने को लेकर की गई बयानबाजी पर मनकोटिया ने कहा कि भाजपा को राजनीति का स्तर इतना नीचे नहीं गिराना चाहिए कि कल को उनकी बातें उन्हीं पर लौट आएं। उन्होंने कहा कि यदि कोई संस्थान हमारे क्षेत्र के कर्मचारियों का शोषण करता है और बिना कोई पूर्व नोटिस दिए उन्हें नौकरी से निकाल देता है और कर्मचारी अपने लोकतांत्रिक हक का प्रयोग करते हुए हड़ताल पर जाने की बात करते हैं तो ऐसे में प्रशासन को कानून व्यवस्था बनाए रखने या कर्मचारियों को पुन: सेवा पर रखने की बात करना कहां गलत है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा उक्त मामले को राजनीतिक दृष्टि से देखना तर्कसंगत नहीं है।
कुछ दिन पूर्व अरनी विवि के कुलपति पर कथित हमले में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय द्वारा जमानत पर रिहा कर दिया गया। तो वहीं मामले में संलिप्त अन्य कथित आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस संभावित स्थानों पर छापामारी कर रही है। मामले में जानकारी देते हुए डीएसपी नूरपुर विशाल वर्मा ने बताया कि उक्त मामले में कुल 7 व्यक्तियों को पर्याप्त साक्ष्य के आधार पर नामजद किया गया था, जिनमें से 3 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य 4 आरोपी अभी फरार चल रहे हैं, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के इस मामले पर सत्ता पक्ष पर किए गए जुबानी हमले के बाद यह मामला सुर्खियों में आया था। वहीं, डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि उक्त वारदात के समय आरोपियों के पास डंडे, रॉड व द्रात आदि जैसे हथियार होने के पर्याप्त प्रमाण उन्हें टेक्निकल इंटेलिजेंस व अन्य संसाधनों से प्राप्त हुए हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन कर रही है। विधायक और एसडीएम पर एफआईआर न की तो जाएंगे कोर्ट : कुलपति वहीं, अरनी विश्वविद्यालय के चांसलर विवेक सिंह ने पुलिस को एक शिकायत पत्र दिया है, जिसमें उन्होंने सत्ता पक्ष के एक विधायक व एक प्रशासनिक अधिकारी पर भी उन्हें कथित रूप से धमकियां देने का ऑनलाइन शिकायत पत्र पुलिस को दिया है। डॉ. विवेक सिंह ने कहा कि यदि आगामी दो दिन में पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं करती है तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा चलाए गए नशे के अभियान के तहत डमटाल पुलिस द्वारा 10 ग्राम चिट्टे सहित महिला तस्कर को किया गया गिरफ्तार। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक नुरपुर अशोक रतन ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर डमटाल थाना पुलिस द्वारा छन्नी में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें नंदिनी पत्नी सुभाष निवासी गांव छन्नी तहसील इंदौरा के कब्जे से 10.0 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
-नेता प्रतिपक्ष ने जन्मदिन पर कही यह बात नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भगवान भारत की साझी सांस्कृतिक विरासत है। हर भारतीय को 22 जनवरी का बेसब्री से इंतजार है। भगवान राम की अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा भारत के इतिहास का स्वर्णिम दिन होगा। पांच सौ साल के लंबे इंतज़ार के बाद यह शुभ घड़ी आई है। इस दिन भारत भर में दिवाली मनेगी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता 22 जनवरी के दिन प्रधानमंत्री ने निर्देशानुसार अपने घर, स्थानीय मंदिरों में जाकर इस शुभ घड़ी का उत्सव मनाएंगे। अपने जन्मदिन के अवसर यह बात नेता प्रतिपक्ष ने पत्रकारों से बात करते हुए कही। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी देशवासियों से आग्रह किया है कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या अवश्य आएं। इसके लिए अयोध्या में विकास के ऐतिहासिक काम हुए हैं। अयोध्या आज विश्व के मानचित्र पर एक वैश्विक शहर बन कर उभरा है। अयोध्या में विश्व स्तर की सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि देश भर में विकास के की नई गाथा लिखने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश इस तीसरी बार भारी जनादेश के साथ प्रधानमंत्री बनाने जा रही है। हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों से बीजेपी विजयी होगी।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के शोधकर्ताओं द्वारा हिमाचल प्रदेश में फल मक्खियों के लिए किए गए सर्वेक्षण अध्ययन के दौरान दो नई फल मक्खी (टेफ्रिटिडे) प्रजातियां पाई गईं है। मनीष पाल सिंह के डॉक्टरेट अनुसंधान, जो विश्वविद्यालय के कीट विज्ञान विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ दिवेंद्र गुप्ता के मार्गदर्शन में काम कर रहे थे, के शोध कार्य के दौरान यह प्रजातियां पाई गई। यूनाइटेड किंगडम स्थित फल मक्खी वर्गीकरण विशेषज्ञ डॉ डेविड लॉरेंस हैनकॉक के लक्षण वर्णन और परामर्श के बाद, प्रजातियों को दुनिया के लिए नया घोषित किया गया। इन प्रजाति का नाम बैक्ट्रॉसेरा प्रभाकरी और टेफ्राइटिस हिमालयी रखा गया। डॉ. मनीष पाल सिंह ने अपने डॉक्टरेट शोध के दौरान, इन नई प्रजातियों का वर्णन किया है। बी. प्रभाकरी मुख्य रूप से मध्य पहाड़ियों- सोलन और शिमला जिलों के कुछ हिस्सों में यह एक औषधीय पौधे, जिसे आमतौर पर डच एग प्लांट कहा जाता है, को संक्रमित करती है। वहीं टी. हिमालयी राज्य की ऊंची और मध्य पहाड़ियों में पाई जाती है, जो सर्कियम फाल्कोनेरी नामक एक कांटेदार खरपतवार पर प्रजनन करती हैं। अन्य उत्तर भारतीय राज्यों की तुलना में राज्य में फल मक्खियों की अधिक विविधता मौजूद है, जैसा कि मनीष द्वारा किए गए शोध कार्य के निष्कर्षों से पता चला है। इस शोध के निष्कर्ष 'ज़ूटाक्सा' जर्नल के नवंबर और दिसंबर अंक में प्रकाशित हुए हैं, जो न्यूजीलैंड से प्रकाशित होता है। फ्रूट फ्लाई के नमूनों को संदर्भ रिकॉर्ड के लिए सोलन में भारतीय प्राणी सर्वेक्षण के उच्च क्षेत्रीय केंद्र में जमा किया गया है। इन नई प्रजातियों के अलावा डैकस फ्लेचरी और उरोफोरा टेरेब्रान भी भारत में पहली बार हिमाचल प्रदेश से रिकॉर्ड किए गए। समूह के रूप में फल मक्खियां अंतर्राष्ट्रीय महत्व और संगरोध महत्व के कीट हैं।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित राजस्व लोक अदालतें राज्य के लोगों के लिए फायदेमंद साबित हो रही हैं। इनके माध्यम से इंतकाल और तकसीम के हजारों मामलों का निपटारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 4 व 5 जनवरी को आयोजित राजस्व लोक अदालतों में 24,091 मामलों का निपटारा किया गया, जिनमें इंतकाल के 20,547 मामले थे। दिसंबर, 2023 में प्रदेश की राजस्व अदालतों में तकसीम के कुल 1,823 मामले दर्ज किए गए। 3 दिसम्बर, 2023 से 5 जनवरी, 2024 तक तकसीम के रिकॉर्ड 3,544 मामलों का निपटारा किया गया, जोकि इस दौरान दर्ज मामलों का लगभग 200 प्रतिशत है। राजस्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भविष्य में भी राजस्व लोक अदालतों का आयोजन करेगी ताकि प्रदेशवासियों के राजस्व से जुड़े मामलों का शीघ्र निपटारा किया जा सके।
-बागवानी मंत्री ने एचपीएआईसी के कार्यों की समीक्षा के दौरान दी जानकारी हिमाचल प्रदेश कृषि उद्योग निगम सीमित (एचपीएआईसी) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां कहा कि हिमाचल प्रदेश में किसानों व बागवानों के हितों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एचीपीएआईसी के कुल 19 बिक्री केंद्र हैं और अब रामपुर के सराहन में एचीपीएआईसी का बिक्री केंद्र खोला जाएगा। जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने एचपीएआईसी को हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम सीमित (एचपीएमसी) में विलय करने का निर्णय लिया था। उन्होंने इस निर्णय की पूर्ति के लिए प्रक्रिया को गति प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एचपीएआईसी की संपत्ति तथा कर्मचारियों को एचपीएमसी में समायोजित किया जाएगा। इससे एचपीएमसी की कार्य क्षमता में वृद्धि होगी तथा बागवानों को बेहतर विपणन सुविधाएं प्राप्त होंगी।
-भोगपुर सिम्बलवाला सड़क पर रून नदी पर डबल लेन पुल के निर्माण की घोषणा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बरसात के दौरान आई आपदा से जिला सिरमौर के 1388 प्रभावित परिवारों के 'पुनर्वासÓ के लिए 9.88 करोड़ रुपए की प्रथम किस्त आज नाहन में वितरित की। पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त 66 घरों के लिए 3-3 लाख रुपए की राशि के रूप में 1.98 करोड़ रुपये की पहली किस्त, 718 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए 6.37 करोड़, 292 गौशालाओं को नुकसान पर 1.15 करोड़ रुपए तथा अन्य प्रभावित परिवारों को 38 लाख रुपए की धनाराशि जारी की गई। मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक की मांग पर मुख्य सड़क बुरमपापरी, पालियां भोगपुर सिम्बलवाला से गुम्ती से बस स्टैंड गुम्ती तक सभी चार बस्तियों के लिए सड़क निर्माण तथा भोगपुर सिम्बलवाला सड़क पर रून नदी पर डबल लेन पुल के निर्माण की भी घोषणा की। इस सड़क से क्षेत्र की तीन पंचायतों की लगभग 9000 लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने खाजूरना बिक्रम बाग सुकेती कालाअंब सड़क पर पथराला का खाला पर डबल लेन पुल निर्मित करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की चार पंचायतों के लगभग 13000 लोगों को सुविधा प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री ने बनोग धार क्यारी से सब्जी मंडी कांशीवाला सड़क बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे सड़क से नाहन शहर, नाहन पंचायत, सेन की सेर तथा अंबवाला सैनवाना क्षेत्र के लगभग 86000 लोग लाभान्वित होंगे। वहीं, विधायक अजय सोलंकी ने नाहन विधानसभा क्षेत्र के लिए 219 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछले एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान ऐतिहासिक कार्य किए और कर्मचारियों, किसानों, महिलाओं सहित सभी वर्गों के लिए अनेक जन कल्याणकारी निर्णय लिए हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को लोगों के बीच ले जाने का आग्रह भी किया।
हिमाचल प्रदेश पुलिस के रेलवे पुलिस चौकी ऊना में तैनात जवानों ने एक बहुत ही सराहनीय कार्य किया है। गत 4 जनवरी को शिमला स्थित मीडिया हाउसेस को बजरिया ईमेल पर एस. प्रभु नामक व्यक्ति द्वारा सूचित किया गया कि वह रेलवे लाइन ऊना में ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या करने जा रहा है, क्योंकि उसे एक महिला ने धोखा दिया है। ई-मेल मिलने पर मीडिया हाउसेस द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरवीर सिंह राठौर को सूचित किया गया। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए जीआरपी थाना कांगड़ा एवं जीआरपी चौकी ऊना को सूचित किया एवं पुलिस जवानों को इस संदर्भ में उचित दिशा-निर्देश दिए। एक प्रभावी योजना तैयार कर एस. प्रभु के मोबाइल फोन की लोकेशन ली गई एवं जीआरपी चौकी ऊना पुलिस टीम को योजना के तहत रेलगाड़ी के इंर्जन ( लोकोमोटिव) वाले कैबिन में बिठाया गया। रेलगाड़ी जो दौलतपुर से ऊना की तरफ आ रही थी को धीमी रफ्तार से चलाया गया। जब ट्रेन ऊना के पास पहुंची तो एक व्यक्ति पटरी के पास दिखाई दिया। इस पर पुलिस जवान ने तुरंत रेल से उतरकर उसे पकड़ लिया। पूछने पर व्यक्ति ने अपना नाम एस. प्रभु निवासी तमिलनाडु बताया और यह भी बताया कि वह आत्महत्या की करने की नीयत से यहां पर खड़ा था। उसने अपने को भारतीय सेना का जवान बताया। वहीं, भारतीय सेना के सूत्रों से जानकारी एकत्र की गई तो पता चला कि एस. प्रभु भारतीय सेना में हवलदार के पद पर कार्यरत था एवं वर्ष 2022 में छुट्टी आने के बाद वापस ड्यूटी ज्वाइन नहीं की थी। इसे भगोड़ा घोषित किया गया था। आज उसे जीआरपी चौकी ऊना एवं जीआरपी थाना कांगड़ा के पुलिस कर्मचारियों द्वारा सेना कैंप योल में सेना के हवाले किया गया। जीआरपी पुलिस द्वारा की गई उपरोक्त तुरंत कार्रवाई से एस. प्रभु की जान बच गई। जीआरपी चौकी ऊना टीम सहायक उप निरीक्षक अजय ऐरी के नेतृत्व में आरक्षी आनंद, रमन शर्मा, कमल देव, राहुल एवं अनिल द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए सराहनीय कार्य को अंजाम दिया है। गुरुदेव चंद शर्मा डीआईजी टीटीआर द्वारा जीआरपी पुलिस जवानों द्वारा की गई सफल एवं सराहनीय कार्रवाई पर उनकी भरपूर प्रशंसा की गई।
-प्रतियोगिता में रजत ठाकुर को चुना मैन ऑफ दी सीरीज -खणी स्कूल में हुआ प्रतियोगिता का आयोजन खणी स्कूल में चल रही अमित मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के 10वें संस्करण का शनिवार को समापन हो गया। समापन समारोह में पूर्व सैनिक जमीत सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन हर वर्ष अमित ठाकुर की यादगार में आयोजित किया जाता है। इस वर्ष क्रिकेट प्रतियोगिता का 10वां संस्करण 1 जनवरी को शुरू किया गया और शनिवार को यह खत्म हुआ। प्रतियोगिता में 28 टीमों ने हिस्सा लिया। शनिवार को इस प्रतियोगिता के 2 सेमीफइनल और एक फाइनल मैच खेला गया। पहला सेमीफइनल युवक मंडल खणी और खणी (बी) के बीच खेला गया, जिसमें युवक मंडल खणी ने शानदार जीत अपने नाम दर्ज की। वहीं, दूसरा सेमीफइनल संचूई और ग्रीमा के बीच खेला गया, जिसमें संचूई ने ग्रीमा टीम को हराकर फाइनल मैच में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का फाइनल मैच युवक मंडल खणी और संचूई के बीच खेला गया, जिसमें संचूई ने पहले बाल्लेबाजी करते हुए युवक मंडल खणी की टीम को 8 ओवर में 72 रन का टारगेट दिया। लक्ष्य का पीटा करने उतरी युवक मंडल खणी की टीम 8 ओवर में मात्र 53 रन ही बना पाई। फाइनल मैच में अतुल ठाकुर को मैन ऑफ दी मैच तो वहीं प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर रजत ठाकुर को मैन ऑफ दी सीरीज से नवाजा गया। वहीं, मुख्यतिथि ने विजेता टीम को 11000 रुपये नकद, ट्रॉफी व मोमेंटो और उपविजेता टीम को 8100 रुपये, ट्रॉफी व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। मुख्यातिथि ने अपनी ओर से आयोजकों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की।
जाइका वानिकी परियोजना के सौजन्य से शनिवार को मशोबरा में प्रोजेक्ट के डिप्टी रेंजर्स को लेखांकन एवं लेखापालन का पाठ पढ़ाया। यहां आयोजित एक दिवसयीय कार्यशाला का मुख्य लक्ष्य जाइका वानिकी परियोजना के तहत २२ वन मंडलों के डिप्टी रेंजर्स को परियोजना से संबंधित लेखा-जोखा से अवगत करवाना था। इस अवसर पर परियोजना के अतिरिक्त परियोजना निदेशक डीके विज ने यहां मौजूद सभी डिप्टी रेंजर्स को परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि आज जाइका वानिकी परियोजना की पहचान आज विदेशों में भी हो चुकी है। हिमाचल प्रदेश में मुख्य परियोजना निदेशक नागेश कुमार गुलेरिया के नेतृत्व वाली टीम पिछले चार वर्षों से बेहतरीन कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जाइका जाइका वानिकी परियोजना के तहत प्रदेश में ९२० स्वयं समूहों को शामिल किए जा रहे हैं। डीके विज ने कहा कि डिप्टी रेंजर्स के लिए आयोजित इस कार्यशाला में उन्हें लेखांकन एवं लेखापालन को और आधुनिकीकरण करने के लिए तीन सीए यानी चार्टेड अकाउंटेंट्स ने विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर चार्टेट अकाउंटेंट अतुल तिवारी, नवीन डोगरा और पियूष शर्मा ने लेखा से संबंधित ज्ञान सांझा किए। कार्यशाला के दौरान जाइका वानिकी परियोजना की ओर पीएमयू शिमला का स्टाफ भी मौजूद रहा।
-चार योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित हुए 114 किसान कुषि विभाग के उप मंडलीय भू-संरक्षण कार्यालय किन्नौर के माध्यम से सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान लगभग 1 करोड़ 72 लाख रुपये की राशि व्यय कर 114 किसानों को लाभान्वित किया गया है। जिला किन्नौर में कृषि विभाग के भू-संरक्षण कार्यालय के माध्यम से वर्तमान में सरकार की 4 योजनाओं को संचालित किया जा रहा है जिनमें बहाव-सिंचाई योजना, जल से कृषि को बल योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना तथा सौर-सिंचाई योजना शामिल है। इस संबंध में जानकारी देते हुए उप मंडलीय भू-सरंक्षण अधिकारी किन्नौर स्थित रिकांग पिओ राजेश धीमान ने बताया कि किन्नौर जिला में सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक 1 करोड़ 72 लाख रुपये की राशि व्यय की जा चुकी है तथा इससे 114 किसान व्यक्तिगत व सामूहिक तौर पर लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने बताया कि जहां बहाव-सिंचाई योजना के अंतर्गत 12 लाख रुपये की राशि व्यय कर 39 किसानों को लाभान्वित किया गया है तो वहीं जल से कृषि को बल योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये व्यय कर 14 किसानों को लाभ मिला है। इसी तरह प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत लगभग 11 लाख रुपये की राशि व्यय कर 30 लाभार्थी लाभान्वित हुए हैं तो वहीं सौर-सिंचाई योजना के अंतर्गत 31 किसानों को सोलर लिफ्ट सिंचाई योजना का लाभ प्रदान कर 1 करोड़ 39 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए किसान, उपमण्डलीय भू-संरक्षण अधिकारी कार्यालय किन्नौर स्थित रिकांग पिओ या पूह, निचार स्थित भावानगर तथा सांगला के अनुभाग कार्यालयों से भी संपर्क कर सकते हैं।
-11 विकास परियोजनाओं के किए लोकार्पण एवं शिलान्यास मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज सिरमौर जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान नाहन में 219 करोड़ रुपये की 11 विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। सीएम ने 16 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से मारकंडा नदी पर बने पुल तथा 1 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से निर्मित डॉ. वाईएस परमार चिकित्सा महाविद्यालय नाहन के स्टाफ के लिए 8 टाईप-तीन आवासों का लोकार्पण किया। उन्होंने नाहन शहर के लिए 144 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली मल निकासी योजना, नाहन व पांवटा विकास खण्ड के लिए 17 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से शिवा परियोजना के अंतर्गत निर्मित होने वाली सिंचाई योजना, गाडा-भूडी में 6 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ सिंचाई योजना, जल शक्ति उप-मंडल जमटा के अंतर्गत 7 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली पेयजल आपूर्ति योजना, 4 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से ग्राम पंचायत कालाअंब में विभिन्न उठाऊ संवर्धन एवं सुदृढ़ीकरण सिंचाई योजनाओं, 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले वर्षा जल संग्रहण संरचना चासी, गंाव कठाना के पठार खुड में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले बहुउददेशीय डैम, 14 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले डॉ. वाईएस परमार चिकित्सा महाविद्यालय नाहन के छात्रावास तथा 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले हैचरी भवन कांसीवाला का शिलान्यास भी किया।
हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को आज वेतन जारी हो गया है, लेकिन पेंशनर्स को पेंशन जारी नहीं हुई। इसके लिए अभी इंतजार करना होगा। हालांकि आज भी बोर्ड मुख्यालय कुमार हाउस शिमला सहित प्रदेश के सभी कार्यालयों के बाहर भोजन अवकाश के दौरान कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। बिजली बोर्ड कर्मी वेतन व पेंशन नहीं मिलने के चलते बीते कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे। शुक्रवार को राज्य भर में कर्मचारियों ने प्रबंधन की शव यात्रा भी निकाला। इसके बाद मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद कर्मियों ने आंदोलन को स्थगित किया। कर्मचारी और इंजीनियरों की संयुक्त संघर्ष समिति ने कहा कि प्रबंध निदेशक को पद से हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन अभी जारी रहेगा।
-पत्नी डॉक्टर सुदेश धनखड़ के साथ कांगड़ी लोकनृत्य भी किया -पांच शिक्षकों और बच्चों को लैपटॉप और स्कूल बैग किए वितरित उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज हमीरपुर जिले के दोसड़का पुलिस लाइन मैदान में एक से श्रेष्ठ संस्था के 500वें सेंटर का शुभारंभ किया। इस दौरान उप राष्ट्रपति और उनकी पत्नी डॉक्टर सुदेश धनखड़ ने कलाकारों के साथ कांगड़ी लोकनृत्य भी किया। इस दौरान उप राष्ट्रपति व उनकी पत्नी को हिमाचली टोपी व चंबा का थाल देकर सम्मानित किया गया। उप राष्ट्रपति ने एक से श्रेष्ठ योजना के तहत पांच शिक्षकों और बच्चों को लैपटॉप और स्कूल बैग वितरित किए। इससे पहले एनआईटी हमीरपुर के निकट हेलीपैड पर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा सेवा और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर व कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने हेलीपैड पर उप राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्थानीय विधायक आशीष शर्मा, संभागीय आयुक्त राखी काहलों, उप महानिरीक्षक उत्तरी रेंज अभिषेक धुल्लर, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा, एनआईटी, हमीरपुर के निदेशक प्रो. एचएम सूर्यवंशी और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
सहायक आयुक्त सुभाष गौतम ने बताया कि टांडा फील्ड फायरिंग रेंज में भारतीय सेना द्वारा 8, 9 व 11 जनवरी को प्रात: 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक फायरिंग का अभ्यास किया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत कोहाला, कच्छयारी, खोली, घुरकड़ी व साथ लगते क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि इस दौरान वह फायरिंग रेंज में न स्वयं जाएं तथा अपने पालतु पशुओं को भी न जाने दें, ताकि किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि से बचा जा सके।


















































