शिक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि राज्य और केंद्र प्रायोजित छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) पर ऑनलाइन छात्रवृत्ति आवेदन-पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 16 जनवरी तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सभी योजनाओं में सत्र के लिए एनएसपी पोर्टल पर छात्रों के पंजीकरण की तिथि 16 जनवरी, 2024 है। प्रथम स्तर के सत्यापन के लिए अंतिम तिथि 30 जनवरी और दूसरे स्तर के सत्यापन के लिए अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी संस्थानों, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों के प्रमुखों और उच्च शिक्षा उप-निदेशकों से आग्रह किया कि वे एनएसपी के पात्र विद्यार्थियों का ऑनलाइन आवेदन-पत्र जमा करवाना सुनिश्चित करें, ताकि राज्य या राज्य से बाहर पढ़ाई कर रहे किसी भी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त या संबद्धता वाले निजी संस्थानों के विद्यार्थियों को प्रदर्शन में सुधार के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इसके उपरांत किसी प्रकार का विस्तार नहीं दिया जाएगा और यह संस्थान प्रमुख की जिम्मेदारी होगी कि सभी पात्र छात्र निर्धारित समय अवधि के भीतर आवेदन करें। उन्होंने कहा कि नवीनतम अपडेट और आवश्यकउ जानकारी के लिए अनाउसमेंट कॉर्नर पर सूचना प्राप्त की जा सकती है और किसी भी तकनीकी पूछताछ के लिए हेल्प डेस्क helpdesk@nsp.gov.in या 0120-6619540 (अवकाश के अतिरिक्त सभी दिनों में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक) पर संपर्क किया जा सकता है।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी कांगड़ा आकाश राणा ने बताया कि सिस इंडिया लिमिटेड शाहतलाई जिला बिलासपुर ने सुरक्षा गार्ड व सुरक्षा सुपरवाइजर के 150 पद अधिसूचित किए हैं। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास और आयु सीमा 21 से 37 वर्ष के बीच रखी गई है। इस साक्षात्कार के लिए केवल पुरुष आवेदक पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि कम्पनी द्वारा सरुक्षा गार्ड के तौर पर चयनित उम्मीदवारों को 16500 रुपये से 19500 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि इच्छुक आवेदक अपने मूल प्रमाण पत्रों व पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ के साथ दिनांक 8 जनवरी को उप रोज़गार कार्यालय लंबागांव, 9 जनवरी को उप रोजगार कार्यालय बैजनाथ, 10 जनवरी को उप रोजगार कार्यालय पालमपुर, 11 जनवरी को नगरोटा बगवां और 12 जनवरी को उप रोजगार कार्यालय बड़ोह में सुबह 11 बजे पहुंचकर उक्त कंपनी के समक्ष साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं । इस साक्षात्कार के संबंध में यात्रा भत्ता व अन्य देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8558062252 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि विभागीय वेबसाइट पर साक्षात्कार का ब्यौरा अपलोड कर दिया गया है। सभी इच्छुक आवेदकों से अनुरोध है कि वह साक्षात्कार में भाग लेने से पहले https://eemis.hp.nic.in पर अपनी ई-मेल या मोबाइल से लॉगिन करने के बाद अपने डैशबोर्ड पर दिख रही सिस इंडिया लिमिटेड की रिक्तियों के लिए आवेदन करें। विभागीय साईट https://eemis.hp.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन के पश्चात ही साक्षात्कार में भाग लिया जा सकता है।
-सेजल मेहरा ने कांस्य पदक हासिल कर चमकाया प्रदेश का नाम -जयसिंहपुर उप मंडल के आलमपुर की हैं दोनों बेटियां हरियाणा के करनाल में चल रही लड़कियों की अंडर-17 राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश के जयसिंहपुर उप मंडल के आलमपुर की खुशी धीमान ने गोल्ड मेडल जीता है। वहीं, इलाके की ही सेजल मेहरा ने कांस्य पदक हासिल किया है। राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतकर दोनों बेटियों ने अपने प्रदेश, इलाके और माता-पिता का नाम रोशन किया है। इस चैंपियनशिप का आयोजन 4 से 8 जनवरी तक किया जा रहा है। खुशी धीमान ने गोल्ड मेडल जीतने का पूरा श्रेय अपने माता-पिता के साथ कोच स्वरूप सिपहिया और डीपीई अवनीश कुमार को दिया है।
ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत घलोड़ा के सैकड़ों ग्रामीणों ने स्थानीय समाजसेवी अतुल चौधरी की अगुवाई में तहसीलदार ज्वालामुखी के माध्यम से उपमंडल अधिकारी डॉक्टर संजीव कुमार को आवारा पशुओं से निजात दिलाने के लिए एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की है कि आए दिन जंगली जानवर व बेसहारा गौवंश उनकी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द बेसहारा गौवंश से निजात दिलपाई जाए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सड़कों पर घूम रहे इस बेसहारा गौवंश को गौ सेंचुरी में भेजा जाए, ताकि उनकी फसलों का बचाव हो सके।
-आग से कॉलोनी का एक सेट पूरी तरह से जलकर राख -एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू हिमाचल की राजधानी शिमला में आज सुबह करीब 10 बजे स्कैंडल पॉइंट के समीप पीएंटी कॉलोनी में आग लग गई। आग से कॉलोनी के दो सेट को नुकसान हुआ है। इसमें एक सेट पूरी जलकर तरह राख हो गया है, जबकि दूसरे को आंशिक नुकसान हुआ है। घटना ममें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उधर, आग लगने की जानकारी मिलते ही माल रोड सहित तीनों फायर स्टेशनों से बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के वक्त मकान में कोई मौजूद नहीं था। इसकी वजह से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। उधर, अग्निशमन अधिकारी मनसा राम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया की सुबह करीब 10 बजे उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद तीनों फायर स्टेशनों से बचाव दलों ने तुरंत पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है। आग की घटना के कारणों का अभी पता नहीं चला है।
-स्माइल हिमाचल संस्था ने मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर करवाया कॉन्टेस्ट स्माइल हिमाचल संस्था द्वारा मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर सम्सकरा कार्यक्रम का आयोजन किया गया इस कार्यक्रम को करवाने का मुख्य उद्देश्य अपनी संस्कृति की पहचान करवाना है। कार्यक्रम में मिस मंडी कॉन्टेस्ट का आयोजन भी किया गया, जिसके फिनाले में 13 लड़कियों ने भाग लिया। फिनाले में अनवी को मिस मंडी-2024 चुना गया। वहीं, फर्स्ट रनरअप आंचल व सेकंड रनरअप प्रिया और थर्ड रनरअप नताशा नेगी को चुना गया। मोस्ट टैलेंटेड सैजल, मनीषा, प्रिया रहीं, वहीं मोस्ट एक्टिव भानुजा, शिवानी, ऐंजल चुनी गईं। संस्था के संस्थापक निखिल वालिया ने कहा कि मंडी में यह हमारा दूसरा कार्यक्रम था और अगले वर्ष इस कार्यक्रम को और बड़े स्तर पर करवाने का प्रयास किया जाएगा।
-प्रदेश के डाकघरों में 100 से ज्यादा युवाओं ने फेक सर्टिफिकेट से पाई नौकरी -जांच कर रही सीबीआई ने कहा, यह एक बड़ा भर्ती घोटाला पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में बाहरी राज्यों के युवक फर्जी प्रमाणपत्रों से नौकरियां कर रहे हैं। सीबीआई की जांच के मुताबिक बाहरी राज्य से 100 से ज्यादा युवाओं ने प्रदेश के अलग-अलग डाकघरों में फर्जी प्रमाणपत्र तैयार कर नौकरी हासिल की है। पहले तक प्रदेश के विभिन्न जिलों की पुलिस मामले की जांच कर रही थी, लेकिन फर्जी दस्तावेजों से नौकरी हासिल करने का आंकड़ा प्रतिदिन बढ़ने के बाद जांच के लिए सीबीआई की मदद भी ली गई है। सीबीआई को दिसंबर के आखिरी हफ्ते में जांच का जिम्मा सौंपा गया था। सीबीआई की जांच के मुताबिक बाहरी राज्य से 100 से ज्यादा युवाओं ने प्रदेश के अलग-अलग डाकघरों में फर्जी सर्टिफिकेट तैयार कर नौकरी हासिल की है। ब्यूरो का मानना है कि यह भर्ती का एक बड़ा घोटाला है।
भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव को लेकर हिमाचल प्रदेश में भी एक्टिव हो गई है। के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में शुक्रवार शाम को चुनाव की तैयारियों को लेकर शिमला के पीटरहॉफ में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक हुई। सूत्रों की मानें तो इसमें प्रदेश की चारों संसदीय सीटों पर पार्टी के संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चा हुई। बैठक में नड्डा ने पार्टी के कोर ग्रुप से 31 जनवरी से पहले लोकसभा चुनावों के लिए संभावित प्रत्याशियों का पैनल मांगा। प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम मुहर लगाने से पहले पार्टी अलग से सर्वे भी करवाएगी। अभिनंदन कार्यक्रम के बाद कोर ग्रुप की बैठक में 21 में से 18 सदस्य मौजूद रहे। तीन मौजूदा सांसदों का रिपोर्ट कार्ड मांगा बैठक के दौरान प्रदेश के तीन मौजूदा सांसदों का रिपोर्ट कार्ड मांगा गया। नड्डा ने सांसदों के कामकाज की दिल्ली से लाई सर्वे रिपोर्ट भी कोर ग्रुप के सामने रखी। बैठक में तय किया गया कि चुनावों में मोदी फैक्टर जीत का आधार होगा।
देहरा डाक मंडल द्वारा एक जनवरी से लेकर 12 जनवरी तक 'समृद्ध सुकन्या, समृद्ध समाज' विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश भर में 10 वर्ष तक की सभी बालिकाओं का सुकन्या समृद्धि खाता खोल कर उन्हें भारत सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना का लाभ पहुंचाना है। सरकार ने 1 जनवरी से वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही के लिए सुकन्या समृद्धि योजना पर मिलने वाली ब्याज दर में 0.20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इस योजना में निवेश करने पर अब सालाना 8 प्रतिशत के बजाय 8.20 प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा। इस स्कीम के जरिए अभिभावक आसानी से अपनी बेटी के लिए लाखों रुपये का फंड तैयार कर उसका भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं। एक परिवार में अधिकतम दो लड़कियों के लिए यह खाता खोला जा सकता है। खाते में एक वित्तीय वर्ष में अधिकतम 150000 रुपये तक जमा करवाए जा सकते हैं। यह खाता बालिका के जन्म प्रमाणपत्र तथा अभिभावक के केवाईसी (पीओआई एवं पीओए) के साथ आसानी खोला जा सकता है। इस निवेश का दावा आयकर अधिनियम की धारा 80सी के तहत किया जा सकता है। यह जानकारी मंडल अधीक्षक बलबीर चंद द्वारा दी गई है। अधिक जानकारी के लिए डाकपाल देहरा राकेश कुमार से मोबाइल नंबर 8219001238 पर संपर्क कर सकते हैं।
अरनी यूनिवर्सिटी चांसलर विवेक सिंह पर हुए जानलेवा हमले मामले में पुलिस ने शक के आधार पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला गत 1 जनवरी का है, जिसमें अर्नी यूनिवर्सिटी चांसलर विवेक सिंह ने इंदौरा थाना में उन पर जानलेवा हमले की शिकायत दर्ज करवाई थी। इसमें इंदौरा के जिला परिषद सदस्य प्रवीण कुमार मिन्दा वह अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। उनका कहना था कि जब वह पठानकोट से वापस आ रहे थे तो रास्ते में उनकी गाड़ी को रोककर उन पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई। इस पर पुलिस ने कार्रवाई कर तीन आरोपियों को शक के आधार पर गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि थाना इंदौरा में दर्ज मामले के दौरान पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरे की जांच कर उसमें आए आरोपियों को शक के आधार पर गिरफ्तार कर पुछताछ शुरू कर दी गई है। मामले में अन्य जो भी आरोपी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत डमटाल पुलिस द्वारा 6.65 ग्राम चिट्टे सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक नुरपुर अशोक रतन ने बताया कि डमटाल थाना पुलिस द्वारा मोहटली में गस्त के दौरान नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। इसमें संदीप कुमार पुत्र जसविंदर निवासी गांव टीवी डाकघर काठगढ़ तहसील इंदौरा के कब्जे से 6.65 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। पुलिस द्वारा व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल हाई कोर्ट ने प्रदेश पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) संजय कुंडू और एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री के ट्रांसफर से जुड़े आदेश वापस लेने से जुड़े आवेदनों पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव और न्यायाधीश ज्योत्सना रिवाल दुआ की खंडपीठ ने सभी पक्षकारों की ओर से दी गई दलीलों को सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रखा है। गौर रहे कि पालमपुर के कारोबारी निशांत कुमार शर्मा की सुरक्षा और मामले की स्वतंत्र जांच को लेकर इस मामले पर हाईकोर्ट में सुनवाई हो रही है। कोर्ट ने अंतरिम आदेश जारी कर कारोबारी को उचित सुरक्षा मुहैया करवाने के आदेश पहले ही जारी कर रखे हैं।
- प्रदेश हाई कोर्ट ने ओबेरॉय ग्रुप की रिव्यू पिटीशन की खारिज - कहा, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम को दो माह में सौंपे होटल राजधानी शिमला के फाइव स्टार होटल वाइल्ड फ्लावर होटल हिमाचल सरकार को वापस मिलेगा। ओबेरॉय ग्रुप के पास छराबड़ा में बने इस होटल का कब्जा नहीं रहेगा। यह आदेश आज हिमाचल हाई कोर्ट ने सुनाया। न्यायालय के न्यायमूर्ति सत्येन वैद्य की अदालत ने होटल के मालिकाना हक को लेकर दायर की गई ओबेरॉय ग्रुप की रिव्यू पिटीशन खारिज कर दी है। अदालत ने ओबेरॉय ग्रुप को निर्देश दिए कि दो महीने में होटल का कब्जा राज्य सरकार के हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) को सौंप दिया जाए। हाई कोर्ट के वरिष्ठ अतिरिक्त महाधिवक्ता आईएन मेहता ने कहा कि यह राज्य के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय है, जहां ईस्ट इंडिया होटल मैनेजमेंट और ओबेरॉय समूह को हिमाचल प्रदेश सरकार को कब्जा देने का निर्देश दिया गया है। समीक्षा याचिका भी खारिज कर दी गई है। अदालत ने होटल प्रबंधन को दो महीने की अवधि के भीतर एचपीटीडीसी को कब्जा देने का निर्देश दिया है। अदालत ने 15 मार्च 2024 तक अनुपालन रिपोर्ट जमा करने का भी निर्देश दिया है। कब्जा दो महीने के भीतर देना होगा और अनुपालन रिपोर्ट अगले दिन यानी 15 मार्च 2024 को देनी होगी।
-कर्मचारियों एवं पेंशनरों को वेतन व पेंशन जारी न करने पर जताया रोष -कहा, अब सभी देय लाभ और ओपीएस भी लेकर रहेंगे बोर्ड से विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ जिला शिमला ने आज जिला प्रधान अशोक शर्मा की अध्यक्षता में कसुम्पटी में धरना-प्रदर्शन किया। इसमें संघ के पूर्व अध्यक्ष मोहन लाल ठाकुर व डिवीजन नंबर एक के अध्यक्ष मदन ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसमें सरकार और बिजली बोर्ड प्रबंधन द्वारा बोर्ड कर्मचारियों एवं पेंशनरों का वेतन व पेंशन जारी न करने पर रोष जताया गया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि बोर्ड 570 करोड़ की कमाई करके भी सैलरी व पेंशन समय पर नहीं दे रहा है, ये चिंता का विषय है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार उपभोक्ताओं को 125 यूनिट फ्री देने की सब्सिडी बोर्ड को समय पर दे या फिर इस फैसले को वापस ले। पदाधिकारियों ने कहा कि ये संघर्ष अब वेतन तक सीमित नहीं है। अब बोर्ड प्रबंधन को कर्मचारियों और पेंशनरों के सभी देय लाभ देने होंगे और पुरानी पेंशन स्कीम को भी बिजली बोर्ड में लागू करना पड़ेगा। इस धरने में सिटी डिवीजन शिमला, डिवीजन 2 व डिवीजन नंबर एक के तकनीकी कर्मचारी एवं संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने आज यहां सोलन विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की प्रगति के लिए आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। डॉ. शांडिल ने क्षेत्र में विभिन्न विभागों के माध्यम से किए जा रहे सभी विकास कार्यों में तेजी लाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों के लिए राशि प्राप्त हो चुकी है का कार्य 31 मार्च तक पूरा करना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बजट की मांग शीघ्र भेजना सुनिश्चित करें, ताकि कार्य समयबद्ध पूर्ण हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोलन विधानसभा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण कर कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित बनाएं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास लोगों को उनके घर-द्वार तक सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि विकास कार्यों को समय पर पूर्ण करने के लिए इन्हें एक अभियान के रूप में कार्यान्वित करें। उन्होंने कहा कि समय पर विकास कार्य पूर्ण होना लक्षित वर्गों के लिए लाभदायक है। इस दिशा में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समयबद्धता और विभिन्न विभागों में आपसी समन्वय आवश्यक है। नगर निगम सोलन के आयुक्त ज़फ़र इकबाल ने अवगत करवाया कि सोलन शहर के बाई-पास पर रेहड़ी-फड़ी मार्केट बनकर तैयार है। यहां 50 से अधिक दुकानें पात्र लाभार्थियों को आबंटित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि ठोडो मैदान के समीप लगभग 2.50 करोड़ रुपए की लागत से लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग बनाने की योजना तैयार की गई है। वनमंडलाधिकारी सोलन कुनाल अंगीरस ने अवगत करवाया कि विभिन्न विकास कार्यों के लिए वन विभाग द्वार 12 अनापति प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल ने अवगत करवाया कि सोलन के कथेड़ में लगभग 100 करोड़ की लागत से बहुउद्देशीय अस्पताल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
भारत के निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोलन जिला के पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 50-अर्की, 51-नालागढ़, 52-दून, 53-सोलन (अजा) तथा 54-कसौली (अजा) की फोटोयुक्त मतदाता सूचियां-2024 का अंतिम रूप से प्रकाशन 5 जनवरी को कर दिया गया है। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि सोलन जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्र में अब कुल 415709 मतदाता हैं। फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का अंतिम रूप से प्रकाशन विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 के अंतर्गत प्रथम जनवरी की अर्हता तिथि के अनुसार किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान सूचियों के प्रारूप प्रकाशन के समय जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों में 211030 पुरुष व 200249 महिला एवं 8 अन्य मतदाता थे। प्रारूप प्रकाशन में कुल मतदाताओं की संख्या 411287 थी। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 के अंतर्गत 8285 नए मतदाताओं के नाम दर्ज किए गए। 4188 मतदाताओं के नाम मृत्यु अथवा स्थान परिवर्तन या दोहरे पंजीकरण इत्यादि के कारण मतदाता सूचियों से हटाए गए। उन्होंने कहा कि नए सम्मिलित 8285 मतदाताओं में से 3747 मतदाता 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के हैं। यह सभी पहली बार मतदाता बने हैं। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 में कुल 4422 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। मनमोहन शर्मा ने कहा कि सोलन जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्र में अब कुल 415709 मतदाता हैं। इनमें 213054 पुरुष, 202648 महिला तथा 7 अन्य मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि जिला के 50-अर्की विधानसभा में सबसे अधिक 96122 मतदाता हैं। 54-कसौली (अजा) निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम 68795 मतदाता हैं।
-सीपीएस ने बुघार स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में की शिरकत -70 लाख से निर्मित स्कूल के अतिरिक्त भवन का किया लोकार्पण मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार सौर ऊर्जा के माध्यम से राज्य की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रही है। संजय अवस्थी आज सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बुघार में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने इससे पूर्व 70 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बुघार के अतिरिक्त भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल को प्रकृति ने अनेक सौगातें उपहार में दी हैं। इनमें से सौर ऊर्जा भी एक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सौर ऊर्जा के उपयोग के अंतर्गत लोग अपनी खाली भूमि में सौर ऊर्जा इकाई स्थापित कर बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेरोज़गार युवाओं के लिए यह योजना वरदार सिद्ध होगी। इस योजना के तहत 3 बीघा भूमि पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रदेश सरकार 50 प्रतिशत अनुदान देगी। मुख्य संसदीय सचिव ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित भी किया। स्कूल के शौचालय के निर्माण के लिए 03 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। उन्होंने विद्यालय में अतिरिक्त कमरे बनाने के लिए बजट का प्रावधान करने का आश्वासन दिया। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 2100 तथा आयोजन समिति को 21 हजार रुपए देने की घोषणा की।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने आज 102 और 108 एंबुलेंस सेवाओं के संचालन और रखरखाव पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए एंबुलेंस सेवा प्रदाता को अपनी सेवाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता से शिकायतें मिली हैं कि कंपनी मानदंडों के अनुसार एंबुलेंस नहीं चला रही है। यह भी देखा गया है कि एम्बुलेंस और संबंधित सेवाएं या तो क्रियाशील नहीं हैं या उनका रखरखाव ठीक से नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस सेवा प्रदाता पर मरीजों को आवश्यक सेवाएं प्रदान करने की महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी है और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने में किसी भी प्रकार की चूक पर सरकार द्वारा कड़ी कार्यवाही की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोगों द्वारा जन प्रतिनिधियों के ध्यान में यह बात लाई गई है कि एंबुलेंस सेवा प्रदाता द्वारा चलाई जा रही 102 व 108 एंबुलेंस में या तो बुनियादी सुविधाओं, जैसे कि सहायता प्रदाता, ऑक्सीजन सिलेंडर या अन्य चिकित्सा उपकरण का अभाव है या फिर इन बुनियादी सुविधाओं का पर्याप्त रखरखाव नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही इन सेवाओं में सुधार नहीं किया गया और लोगों की असुविधाओं के चलते शिकायतें जारी रहीं, तो सेवा प्रदाता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मैसर्ज पनेशिया बायोटेक बद्दी में 5 पद तथा मैसर्ज बीआरडी मैडिलैब यूनिट-2 में 8 पदों की भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू 9 जनवरी को ज़िला रोजगार कार्यालय सोलन में प्रात: 10.30 बजे आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी सोलन संदीप ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि उक्त पदों की विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक विभागीय पोर्टल EEMIs पर लॉगइन कर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के लिए उम्मीदवारों को EEMIs पर candidate Login Tab के माध्यम से पंजीकृत करने के उपरांत अपनी Registration Profile पर अधिसूचित रिक्तियों के लिए अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन कर सकते है। उन्होंने कहा कि आवेदक का नाम रोज़गार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है। अधिकारी ने कहा कि उपरोक्त पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू जिला रोजगार कार्यालय सोलन में 9 जनवरी को प्रात: 10.30 बजे से आयोजित किए जाएंगे। उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष नंबर 01792-227242 तथा मोबाइल नंबर 78768-26291 व 70189-18595 पर संपर्क कर सकते हैं।
-भाजपा नेता नवीन शर्मा बोले, फोरलेन कंपनी की लापरवाही से गई बच्चे की जान -अधिकारियों पर हो कड़ी कार्रवाई, दोषियों को मिले सजा हमीरपुर विधानसभा के खगल गांव में दो दिन पूर्व सेप्टिक टैंक में गिरने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी। परिजनों को न्याय दिलाने के लिए हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के पूर्व वाइस चेयरमैन व भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नवीन शर्मा के नेतृत्व में आज परिजनों व ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम व डीसी हमीरपुर से मिला। उन्होंने फोरलेन का काम कर रही कंपनी पर आरोप लगाया कि पहले तो बिना नोटिस के उनके घर व सेप्टिक टैंक के लेंटर को तोड़ दिया, फिर कंपनी ने सेप्टिक टैंक को ऊपर से खुला छोड़ दिया, जिसकी वजह से उनके सात वर्षीय बेटे की टैंक में गिरने से मौत हो गई। नवीन शर्मा ने कहा कि परिजनों ने अधिकारियों से कहा कि उनके बच्चे की जान फोरलेन का काम कर रही कपंनी की लापरवाही से गई है। इसलिए कंपनी के अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और दोषियों को सजा दी जाए। प्रतिनिधिमंडल में नेरी पंचायत के प्रधान विपन कुमार, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष ओम प्रकाश शुक्ला, हमीरपुर युवा मोर्चा महामंत्री अजय शुक्ला, नादौन युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अक्षय कुमार सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पा ठशाला बारी कलां में दिनांक 8 जनवरी 2024 को खुंडियां तहसील के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों को विधायक संजय रत्न द्वारा सरकार की ओर से टैब वितरित किए जाएंगे। यह जानकारी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खुंडियां के प्रधानाचार्य कमलेश कुमार शर्मा ने दी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खुंडियां के मीडिया प्रभारी सुमन ने बताया कि 8 जनवरी को बारी कलां विद्यालय में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में विधायक संजय रत्न मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे और मार्च 2022 में परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके पात्र विद्यार्थियों को टैब देकर सम्मानित करेंगे। पात्र विद्यार्थियों से आग्रह रहेगा कि वे संबंधित विद्यालय से सत्यापित प्रमाणपत्र अपने साथ लेकर आएं, ताकि टैब आवंटन में पारदर्शिता बनी रहे।
प्रदेश युवा कांग्रेस महामंत्री नीरज शर्मा ने प्रेस बयान में कहा कि विधायक संजय रतन ने पिछले एक वर्ष में ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के हर कोने में विकास की गंगा बहाई है। उन्होंने कहा कि संजय रतन ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पीने के पानी, सड़कों के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि विधायक संजय रतन ने चंबापत्तन से सपड़ी, सपड़ी से खुंडियां पनहार सड़कों के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत करवा दिए हंै और टेंडर पक्रिया जारी है, जल्द ही इन सड़कों का कार्य शुरू करवाकर जनता को समर्पित करेंगे। नीरज ने कहा कि आज विधायक संजय रतन विकास कार्य करवा रहे हैं तो भाजपाईयों को तकलीफ हो रही है और भाजपा के पूर्व मंत्री को सपने में भी संजय रतन का विकास दिख रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व मंत्री विकास कार्यों में रोड़ा अटकाने व जनता में झूठी अफवाहें फलाने का कार्य न करें।
पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन हिमाचल प्रदेश के प्रधान धनीराम तंनवर एवं समस्त कार्यकारिणी सदस्य दिप राम ठाकुर, नागेंद्र ठाकुर, रतिराम शर्मा, पतराम पंवर,बिना देबी, आशा राणा, पुष्पा सूद,स्यामलाल ठाकुर, श्यामलाल भाटिया, जसबीर सिंह, सतपाल शर्मा, निर्मल ठाकुर, संतराम चंदेल, नेकीराम, वेद प्रकाश ठाकुर इत्यादि ने अपने संयुक्त बयान में कहा है कि पुलिस पेंशनर्स के वेेतन की बकाया राशि व 12 प्रतिशत डीए सहित कई भत्ते देय हैं, जबकि प्रदेश मुख्यमंत्री मीडिया में बयान दे रहें कि यह राशि दो साल के अंदर देने की कोशिश की जाएगी, लेकिन पुलिस पेंशनर तो 75, 80 और 85 की आयु में अपने अंतिम पड़ाव में बैठे हैं व गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं क्या वे दो साल तक जीवित रहेंगे। सरकार द्वारा 2 साल तक उनके वित्तीय लाभ देने तक तो सैकड़ों पेंशनर भगवान को प्यारे हो जाएंगे। इसलिए संगठन सरकार को 15 दिन का समय देकर आग्रह करती है कि वह 15 दिन में सभी वित्तीय लाभ देने के आदेश करें, अन्यथा इसके बाद एसोसिएशन माननीय प्रदेश हाई कोर्ट में याचिका दायर करने को मजबूर होगी।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने 2400 मेगावाट टेहरी पावर कॉम्प्लेक्स को चालू करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल किया है। 1000 मेगावाट के टेहरी पीएसपी की 250 मेगावाट की पहली इकाई के बटरफ्लाई वाल्व (बीएफवी) को सफलतापूर्वक 4 जनवरी को लॉन्च किया गया था। यह उपलब्धि भारत के सबसे बड़े 2400 मेगावाट हाइड्रो पावर कॉम्प्लेक्स के लिए पूर्ण परिचालन क्षमता प्राप्त करने में एक महत्वपूर्ण प्रगति का प्रतिनिधित्व करती है, जिसमें 1000 मेगावाट टेहरी एचपीपी और 400 मेगावाट कोटेश्वर एचईपी पहले से ही सफल संचालन में हैं। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक आर. विश्नोई ने टिहरी पीएसपी टीम के समर्पित प्रयासों की सराहना की है। यह उपलब्धि टीएचडीसी को टिहरी पीएसपी को चालू करने के करीब ले गई है, जो 2030 तक 500 गीगावॉट से अधिक गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता को एकीकृत करने के भारत सरकार के दृष्टिकोण और शुद्ध शून्य कार्बन उत्सर्जन प्राप्त करने की देश की प्रतिबद्धता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस पीएसपी के चालू होने के बाद, 2400 मेगावाट की कुल क्षमता के साथ भारत में सबसे बड़ा, टिहरी पावर कॉम्प्लेक्स पूरे सप्ताह 24 घंटे किफायती बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के देश के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को साकार करने में आधारशिला के रूप में उभरने के लिए तैयार है, जिससे इसमें महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। राष्ट्र के विकास इंजन को ईंधन देना ेहरी पंप स्टोरेज परियोजना कार्बन फुटप्रिंट को कम करने के व्यापक राष्ट्रीय उद्देश्य के अनुरूप, टिकाऊ और पर्यावरण के प्रति जागरूक ऊर्जा समाधानों के प्रति कंपनी के समर्पण का एक प्रमाण है। यह उपलब्धि ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी प्रगति के लिए टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है, जो देश को एक ऐतिहासिक वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट के करीब लाती है। जैसे-जैसे परियोजना आगे बढ़ रही है, टीएचडीसीआईएल उत्कृष्टता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए समर्पित है।
-मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री से भेंट कर किया आग्रह -प्रस्तावित 9 हेलीपोर्ट के निर्माण में तेजी लाने का भी आग्रह किया मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने ए 320 विमानों के संचालन के लिए कांगड़ा हवाई अड्डे के 1376 मीटर से 3010 मीटर तक प्रस्तावित विस्तारीकरण पर चर्चा की। उन्होंने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा हवाई अड्डे के निर्माण के लिए शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया, जिसके लिए राज्य सरकार भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जिला मुख्यालयों के साथ-साथ जनजातीय क्षेत्रों में हेलीपोर्ट निर्मित करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने पहले चरण में राज्य में प्रस्तावित 9 हेलीपोर्ट के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ये हेलीपोर्ट जनजातीय और दूरदराज के क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा प्रदान करने, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और बर्फीले क्षेत्रों में स्थानीय लोगों और पर्यटकों के फंसने की स्थिति में उन्हें सुरक्षित निकालने में मील पत्थर साबित होंगे। मुख्यमंत्री ने संजौली हेलीपोर्ट के संचालन के बारे में भी चर्चा की और पर्यटकों की सुविधा के लिए चंडीगढ़ से कुल्लू के लिए अतिरिक्त उड़ानें शुरू करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शिमला के लिए तीन, धर्मशाला के लिए चार और कुल्लू के लिए केवल एक उड़ान संचालित की जा रही है, जो क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों की बड़ी संख्या को देखते हुए अपर्याप्त है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उड़ान योजना के तहत रक्कड़, पालमपुर, चंबा और रिकांगपिओ के लिए हेलीपोर्ट पर विचार किया जा रहा है और अगले चरण में अन्य हेलीपोर्ट पर विचार किया जाएगा। उन्होंने मंत्रालय के अधिकारियों को संजौली हेलीपोर्ट के संचालन की प्रक्रिया में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने राज्य को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, आवासीय आयुक्त मीरा मोहंती और मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया भी उपस्थित थे।
राष्ट्रीय मनाली विंटर कार्निवल के पांचवें दिन मालरोड पर नारी सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। राइट बैंक के 122 महिला मंडलों की 1300 से अधिक महिलाओं ने कुल्लवी संस्कृति को दर्शाती महानाटी डाली। रामबाग चौक से दुर्गा मंदिर तक महिलाओं की लंबी लाइन लगी। पर्यटकों ने इस ऐतिहासिक पल को कैमरों में कैद किया। नाटी से पुरातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के साथ नारी सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। विंटर कार्निवल कमेटी के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा ने कहा कि महानाटी में 122 महिला मंडलों की महिलाओं ने भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के सरकाघाट में आज सुबह एक एचआरटीसी की बस अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 5 से 6 यात्री सवार थे। हादसे में बस में सवार कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं। हादसा भलयारा गांव के पास पेश आया है। जानकारी के अनुसार हादसे के समय एचआरटीसी की यह बस जमनी से सरकाघाट की तरफ जा रही थी, इसी दौरान यह हादसा पेश आया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तकनीकी खराबी बताया जा रहा है।
-परवाणू से सोलन तक जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत -शिमला के पीटरहॉफ में होगा अभिनंदन समारोह -भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज हिमाचल के सोलन पहुंचे। उनका पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। नड्डा का परवाणू से सोलन तक जगह-जगह स्वागत हुआ। इसके बाद सोलन मालरोड पर आईटीआई गेट से पुराने बस अड्डे तक जेपी नड्डा का रोड शो हुआ। इसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। रोड शो में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी मौजूद रहे। सोलन के बाद नड्डा का शिमला के पीटरहॉफ में अभिनंदन समारोह होगा। इसके बाद वह भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे। शिमला के पीटरहॉफ में होने जा रहे कार्यक्रम में संगठनात्मक जिला महासू से 3000 कार्यकर्ता और संगठनात्मक जिला शिमला से 2500 कार्यकर्ता भाग लेंगे।
-दौरे को लेकर 11 सेक्टर में बांटा हमीरपुर शहर -सुरक्षा में तैनात रहेंगे 1000 पुलिस कर्मी उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के हमीरपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। हमीरपुर शहर को 11 सेक्टरों में बांटा गया है। शहर में सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1000 पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे और 36 पुलिस अधिकारी इन सेक्टरों में सेवाएं देंगे। जिला प्रशासन चौपर से भी निगरानी रखेगा। वहीं, शिमला, ऊना, भोरंज आदि से आने वाले लोग दोसड़का चौक पर उतरेंगे और वाहन बड्डू पार्किंग स्थल में पार्क होंगे। पुलिस लाइन गेट के बाहर और अंदर कोई भी वाहन पार्क नहीं होगा। उप राष्ट्रपति 6 जनवरी को हमीरपुर आ रहे हैं। वे दोसड़का पुलिस मैदान में एक से श्रेष्ठ संस्था के कार्यक्रम में शामिल होने वाले हजारों विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। आयोजन स्थल पर बैग, पर्स ले जाने की अनुमति नहीं : एसपी पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा ने कहा कि उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पुलिस लाइन गेट के भीतर किसी भी तरह का बैग, पर्स ले जाने की अनुमति नहीं है। दोसड़का चौक से आगे प्रतिभागी पैदल ही पुलिस लाइन में जाएंगे। उन्होंने सभी जिलावासियों से इस दौरान सहयोग का आग्रह किया है।
-4 तारीख तक भी वेतन-पेंशन न मिलने पर किया प्रदर्शन -कहा, जब तक वेतन-पेंशन नहीं मिलते, जारी रहेगा प्रदर्शन विद्युत मंडल ज्वालामुखी में अभियंता, कर्मचारी व पेंशनर फोरम जॉइंट फ्रंट ज्वालामुखी यूनिट के सदस्यों ने इस माह की 4 तारीख तक भी वेतन व पेंशन की अदायगी न होने पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने यूनियन के प्रधान अजय कुमार की अध्यक्षता में लगातार दूसरे दिन रोष प्रकट किया तथा मांग की कि बिजली बोर्ड में शीघ्र स्थायी एमडी की नियुक्ति की जाए और वेतन व पेंशन की अदायगी प्रति माह पहली तारीख को सुनिश्चित की जाए। उन्होंने केंद्रीय परिषद की केंद्रीय कार्यकारिणी द्वारा उठाई गई मांगों का भी पुरजोर समर्थन किया। यूनियन द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि जब तक वेतन और पेंशन की अदायगी नहीं की जाती है यह धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
उप मंडल ज्वालामुखी में वीरवार को बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता कर्णवीर सिंह पटियाल द्वारा बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। विभाग को अंदेशा था कि एनएचआई के कॉन्ट्रेक्टर द्वारा फोरलेन का काम जो किया जा रहा था, उसमें बिजली चोरी की जा रही है। अधिकारी द्वारा गंजूआ द बाग नामक स्थान पर अपनी टीम सहित औचक निरीक्षण किया, जहां उन्होंने पाया कि एनएचआई के कॉन्ट्रेक्टर द्वारा निर्माण के दौरान बिजली की सीधी चोरी की जा रही है। मौके पर बिजली विभागीय कर्मचारियों द्वारा उक्त जगह की तस्वीरें खींची वहां मौजूद पानी के भीतर रखी मोटर व बिजली की तार को जब्त कर इसकी सूचना ज्वालामुखी पुलिस को भी दी। ज्वालामुखी बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता कर्णवीर सिंह पटियाल ने बताया कि विभाग द्वारा उक्त कॉन्ट्रेक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई है। उसके खिलाफ अवैध रूप से बिजली के इस्तेमाल करने पर 1 लाख 41 हजार 380 रुपये जुर्माना लगाया गया है, वहीं इस राशि को विभाग को 1 हफ्ते के अंदर भरने की बात भी कही है। अधिकारी ने बताया कि इस ठेकेदार पर पिछले लगभग 3 महीने से गलत तरीके से बिजली चोरी करने की वजह से यह जुर्माना लगाया गया है। कर्णवीर पटियाल ने स्थानीय जनता से अपील की है कि अगर कहीं भी जनता को ऐसी कोई भी गतिविधि के बारे में पता चलता है तो तुरंत उनसे संपर्क करें। उनकी पहचान भी गोपनीय रखी जाएगी।
-एडीसी को तथ्य अधारित रिपोर्ट तैयार करने को तीन सप्ताह का दिया समय अरनी विश्वविद्यालय इंदौरा के प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के बीच उठे मामले तथा मीडिया रिपोर्ट्स का जिला प्रशासन द्वारा कड़ा संज्ञान लिया गया है इस बाबत उपायुक्त कांगड़ा डा निपुण जिंदल ने अतिरिक्त उपायुक्त को तथ्यों की जांच करने तथा संबंधित लोगों का पक्ष सुनने के उपरांत तीन सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं। उपायुक्त द्वारा जारी आदेशों में कहा गया है कि विवि प्रबंधन द्वारा कुछ कर्मचारियों सेवाएं कथित तौर पर समाप्त कर दी गई थीं। जिसके संबंध में एसडीएम इंदौरा मामले पर रिपोर्ट भेजने के लिए कहा गया था। एसडीएम से प्राप्त रिपोर्ट में कहा गया कि जो कर्मचारी 28-12-2023 से शांतिपूर्ण हड़ताल पर बैठे थे, उन्होंने 3 जनवरी को अपना आंदोलन समाप्त कर दिया है, जबकि कई मीडिया संस्थानों में समाचार पत्रों में ऐसी खबरें आई हैं कि पूरे मामले में स्थानीय प्रशासन द्वारा प्रतिकूल भूमिका निभाई गई है। इससे पहले भी विश्वविद्यालय के उच्च प्रबंधन ने स्थानीय प्रशासन पर धमकी देने का आरोप लगाया था, जिसके संबंध में एसडीएम इंदौरा से रिपोर्ट मांगी गई थी। उपायुक्त द्वारा जारी आदेशों में कहा गया है कि नवीनतम मीडिया रिपोर्टों के मद्देनजर, स्थानीय प्रशासन के खिलाफ ऐसे आरोपों की सत्यता स्थापित करना जरूरी है, जैसा कि स्थानीय मीडिया के साथ-साथ अरनी विश्वविद्यालय के प्रबंधन की दलीलों में भी सामने आ रहा है। इसके अलावा, उन तथ्यों को जांच करना महत्वपूर्ण है, जिनके कारण ऐसे आरोप लगे हैं और पूरे प्रकरण में स्थानीय प्रशासन की भूमिका को लेकर भी गहनता से जांच की जाएगी। इस के लिए अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल को गहन जांच करने तथा सभी संबंधित पक्षों को सुनने के उपरांत तीन सप्ताह के भीतर तथ्योन्वेषी रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
देहरा के अमित राणा 26 जनवरी को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होने जा रहे रणजी मैच में अंपायरिंग करेंगे। यह मैच शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होगा। वीरेंद्र शर्मा के बाद अमित हिमाचल से दूसरे ऐसे अंपायर हैं, जो फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अंपायरिंग करने जा रहे हैं। जुलाई 2019 में उन्हें बीसीसीआई ने राष्ट्रीय मान्यता दी थी। अमित देहरा नगर परिषद के पार्षद और देहरा बार काउंसिल के अध्यक्ष भी रहे हैं।
हरजिंदर हॉस्पिटल ऊना के प्रबंधक डॉक्टर हरजिंदर सिंह व मोनिका सिंह ने ऊना जिला में दिल की बीमारियों के अत्यआधुनिक इलाज के लिए पहल करते हुए देवभूमि अद्वैता हार्ट इंस्टीट्यूट की स्थापना की है। इस संस्थान में दिल की बीमारी का इलाज अत्याधुनिक उपकरणों व विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा किया जाएगा। देवभूमि अद्वैता हार्ट इंस्टीट्यूट के प्रबंधक डॉक्टर हरजिंदर सिंह व मोनिका सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि हार्ट इंस्टीट्यूट में सोमवार से विधिवत रूप से ओपीडी शुरू की जा रही है। विशेषज्ञ हार्ट चिकित्सक रोगियों का चेकअप करेंगे। उन्होंने बताया कि ऊना- नंगल मार्ग पर इंदिरा मैदान के समीप आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण देवभूमि अद्वैता हार्ट इंस्टीट्यूट की स्थापना की गई है। पहले चरण में ओपीडी शुरू की जा रही है और आगामी दो माह में इसे पूरी तरह अत्याधुनिक तकनीक के साथ संचालित कर दिया जाएगा। शुरुआत में 50 बेड की सुविधा के साथ इस हार्ट इंस्टीट्यूट को शुरू किया जा रहा है, जो बढ़कर 70 तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि इस हार्ट इंस्टीट्यूट में 60 से 70 लोगों को रोजगार भी मिलेगा। पूर्व सैनिक पिता का सपना हुआ साकार डॉक्टर हरजिंदर ने कहा कि उनके पिता सेना में रहे हैं, मेजर भगत सिंह पिता सदैव चिकित्सा के क्षेत्र में बेहतर करने की प्रेरणा देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिता की एक सोच व सपना रहा है कि पूर्व सैनिकों व सैनिकों को बेहतर सुविधा हार्ट के इलाज की ऊना में मिले और उनकी प्रेरणा से हम इस काम को पूरा कर पाए हैं। पिता का सपना बेटा, बहु व पोती पूरा कर रहे हैं और अब यह हार्ट इंस्टीट्यूट शुरू हो रहा है। सरकारी योजनाएं व पूर्व सैनिकों की योजना भी होगी शामिल हरजिंदर सिंह व मोनिका सिंह ने कहा कि इस हार्ट इंस्टीट्यूट में कैशलेस इलाज की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इंश्योरेंस कंपनियों से लेकर के आयुष्मान, हिमकेयर जैसी सुविधाओं को भी जल्द शुरू करेंगे। वहीं, पूर्व सैनिकों के लिए ईसीएचएस स्कीम को भी लाना प्राथमिकता रहेगी। 24 घंटे उपलब्ध रहेगी एंबुलेंस सेवा डॉ. हरजिंदर व मोनिका सिंह ने कहा कि इस हार्ट इंस्टिट्यूट में वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस की सेवा आपात स्थिति के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेगी, जिसमें पैरामेडिकल स्टाफ व डाक्टर तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिस आपात स्थिति में रोगी के घर द्वार तक भी भेजा जा सकता है। अत्याधुनिक सीसीयू व आईसीयू डॉ. हरजिंदर सिंह व मोनिका सिंह ने कहा कि हार्ट इंस्टीट्यूट में कसीसीयू व आईसीयू को अत्याधुनिक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एक इस हार्ट इंस्टीट्यूट को एनएबीए मानकों के अनुसार तैयार किया गया है।
-हाई कोर्ट ने सरकार की अधिसूचना पर 18 मार्च तक लगाई रोक -एसटी दर्जा देने के खिलाफ गुज्जर और एससी समुदाय ने की है अपील हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा देने का मामला एक बार फिर से लटक गया है। हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने सरकार की अधिसूचना के लागू होने पर 18 मार्च तक रोक लगा दी है। हाटी को जनजातीय दर्जा देने के खिलाफ गुज्जर और एससी समुदाय की तरफ से हाई कोर्ट में अपील की गई है, जिस पर आज हाई कोर्ट ने अंतरिम आदेश जारी किए हैं। क्योंकि मामला कोर्ट के विचाराधीन था, ऐसे में अब हाटी समुदाय के लोगों को प्रमाण पत्र लेने के लिए कोर्ट के निर्णय का इंतजार करना पड़ेगा। इस मामले में याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता रजनीश ने बताया कि हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए संविधान संशोधन और प्रदेश सरकार की ओर से की गई अधिसूचना पर उच्च न्यायालय ने रोक लगा दी है। उन्होंने बताया कि जनजातीय दर्जा देने के लिए स्थानीय समुदाय मानदंड को आधार बनाया गया है। इसके तहत इलाके की आर्थिक पिछड़ेपन और साक्षरता को कसौटी पर रखा जाता है। लेकिन हाटी समुदाय इन मानदंडों को पूरा करने में असफल रहा। हाई कोर्ट ने पाया कि ट्रांसगिरि क्षेत्र में रहने वाला हाटी समुदाय निर्धारित शैक्षणिक और आर्थिक प्रावधानों को पूरा नहीं कर पाया है। इस इलाके में एक गांव एशिया का सबसे अमीर माना जाता है। इसके साथ इस इलाके में 80 फीसदी साक्षरता दर है। उन्होंने कहा कि मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी, तब तक हाटी को जनजातीय दर्जा मिलने पर रोक रहेगी। खास बात यह है कि पहली जनवरी को सुक्खू सरकार ने हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा देने की केंद्र की अधिसूचना पर मुहर लगाई।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन करने का दावा करने वाली सरकार कर्मचारियों को वेतन भी नहीं दे पा रही है। आलम यह है कि कर्मचारी सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। जहां कांग्रेस सरकार को कर्मचारियों से किए गए और वादे पूरे करने की बात थी वहीं अब सरकार उन्हें वेतन के लिए भी परेशान कर रही है। जिसके कारण आज कई विभाग के लोग धरना देने पर मजबूर हैं। यदि इसी तरह से चलता रहा तो आम लोगों को तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार बिजली बोर्ड समेत अन्य विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के वेतन को अविलंब जारी करे। इस तरह का व्यवस्था परिवर्तन प्रदेश को स्वीकार नहीं है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के भुगतान लंबे समय से लंबित है। मार्च के बाद से न तो एरियर मिले हैं और नहीं रिटायर हुए कर्मियों को ग्रैच्युटी मिल पाई है। जिस कारण लोग परेशान हो रहे हैं। सरकार को इन चीजों का भी ध्यान देना चाहिए। इतने लंबे समय तक लोगों के भुगतान न होने के कारण लोगों को भटकना पड़ रहा है। जिन्होंने लंबे समय तक प्रदेश की सेवा की थी उनका रिटायरमेंट के बाद अपने हक़ के लिए इस तरह से भटकना दु:खद है। सरकार किसी भी काम गंभीरता से नहीं ले रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार जनता के सरोकारों से दूर हो गई है। विकास के कार्यों से कोई लेना देना नहीं हैं। विकास के सारे काम ठप पड़े हैं। गारंटियों के नाम सरकार एकदम ख़ामोश है। नए संस्थान खोलने की बजाय पुराने संस्थान बंद किए जा रहे हैं। कानून-व्यवस्था पर सरकार का नियंत्रण नहीं है। सोलन में जेपी नड्डा का स्वागत करेंगे नेता प्रतिपक्ष नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का सोलन में स्वागत करेंगे। इसके बाद बीजेपी द्वारा सोलन में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे। इसके बाद वह शिमला पहुंचेंगे और उनके साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि 3 राज्यों के विधान सभा चुनावों में बीजेपी की शानदार जीत के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा पहली बार हिमाचल प्रदेश आ रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में अब सभी प्राइमरी स्कूल सुबह 10 बजे खुलेंगे। हालांकि, स्कूल बंद करने का समय दोपहर 3 बजे का ही रहेगा। सुबह और शाम को शीतलहर को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने प्राथमिक स्कूलों के खुलने के समय में बदलाव किया है। यह आदेश जनवरी महीने के दौरान लागू रहेंगे। फरवरी माह में सर्दी का प्रकोप घटने पर इसमें दोबारा निर्णय लिया जा सकता है। इससे कक्षाओं के घटे आधे घंटे के समय की भरपाई प्रार्थना सभा और आधी छुट्टी के समय को कम करके की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में आज कालका-शिमला हाईवे पर बू्ररी में तीन गाड़ियों में जोरदार टक्कर हो गई। यह भिड़ंत सुबह 10.30 के करीब हुई। इनमें से दो गाड़ियों में 3 से 12 साल के 5 से 6 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। गाड़ियों में सवार सभी लोग पंजाब के बताए जा रहे हैं।
यूनाइटेड किंगडम के न्यूकैसल विश्वविद्यालय के एक प्रतिनिधिमंडल ने शूलिनी विश्वविद्यालय का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल में प्रोफेसर रिचर्ड डेविस, प्रो-वाइस-चांसलर ग्लोबल एंड सस्टेनेबिलिटी, डॉ. आदित्य शर्मा, यूनिवर्सिटी एकेडमिक लीड फॉर इंडिया और जो गिरी, यूनिवर्सिटी डायरेक्टर फॉर आसियान स्ट्रैटेजिक डेवलपमेंट एंड एंगेजमेंट शामिल थे। उनकी यात्रा का उद्देश्य शूलिनी विश्वविद्यालय के साथ रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देना था, विशेष रूप से स्थिरता से संबंधित सहयोगी अनुसंधान पहल पर ध्यान केंद्रित करना। शूलिनी की प्रतिष्ठित रैंकिंग और अभूतपूर्व शोध से प्रभावित होकर, प्रतिनिधिमंडल ने उपयोगी सहयोग के लिए अनुसंधान के अवसरों के लिए शूलिनी परिसर का दौरा करने का फैसला किया। यात्रा के दौरान चांसलर प्रो. अतुल खोसला ने समग्र कल्याण और अनुसंधान के लिए एक केंद्र की कल्पना करते हुए न्यूकैसल विश्वविद्यालय में योग केंद्र स्थापित करने में गहरी रुचि व्यक्त की। इसके अतिरिक्त, प्रोफेसर अतुल ने दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए संकाय बातचीत, संयुक्त अनुदान और छात्र/संकाय आदान-प्रदान के लिए रास्ते प्रस्तावित किए। संभावित छात्र विनिमय कार्यक्रम, संयुक्त स्नातक, मास्टर और अनुसंधान कार्यक्रमों के लिए एक रूपरेखा और एक अंतराराष्ट्रीय संकाय विनिमय कार्यक्रम की खोज सहित विभिन्न सहयोगी पहल की। प्रतिनिधिमंडल ने न्यूकैसल विश्वविद्यालय में एक योग हैप्पीनेस सेंटर स्थापित करने की अवधारणा भी प्रस्तुत की, जो शिक्षा और कल्याण के लिए समग्र दृष्टिकोण को दर्शाता है। शूलिनी विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप निदेशक डॉ. रोजी धानता ने कहा, दोनों विश्वविद्यालयों ने अनुसंधान क्षमताओं और नवाचार को बढ़ाने के उद्देश्य से यूके रिसर्च इनोवेशन, दिल्ली के साथ संयुक्त वित्त पोषण के अवसरों की भी खोज की। प्रबंधन, बायोटेक और फार्मा विभागों के सहयोग से 2+2 कार्यक्रमों की अवधारणा को भी छात्रों के लिए शैक्षणिक अनुभवों को समृद्ध करने के साधन के रूप में प्रस्तुत किया गया था। चांसलर पीके खोसला ने न्यूकैसल विश्वविद्यालय के सम्मानित अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने शूलिनी विश्वविद्यालय की विश्व स्तरीय प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और उत्कृष्टता के प्रति समग्र प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
-बोले, राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों में होगा बच्चों का समग्र विकास मुख्य संसदीय सचिव शिक्षा एवं शहरी विकास आशीष बुटेल ने आज शहीद राकेश कुमार वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चचियां के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर छात्रों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कार्यक्रम में दसवीं तथा बारहवीं कक्षा में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले पालमपुर विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाले 110 मेधावी छात्रों को टैबलेट वितरित किए। उन्होंने कहा कि श्रीनिवास रामानुज योजना के तहत जिला कांगड़ा में सरकार द्वारा कुल 1997 विद्यार्थियों को ये टैबलेट प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहीद राकेश कुमार, शहीद संजय कुमार तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा में रहे पीसी कपूर इस विद्यालय से पढ़े हैं। सीपीएस ने कार्यक्रम में उपस्थित अमर शहीद राकेश कुमार के परिवारजन तथा अन्य वीर बलिदानियों के परिजनों को नमन किया। बुटेल ने कहा कि स्कूलों में बच्चों को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार शिक्षा क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन करने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्टेट ऑफ दी आर्ट राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के निर्माण के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया प्रगति पर है। बुटेल ने कहा कि बेहतर शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ इन स्कूलों में बच्चों के समग्र विकास के लिए खेल तथा अन्य को-करिकुलर गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा सरकारी स्कूलों में बच्चों के बैठने के लिए सरकार द्वारा 40000 डेस्क दिए जाएंगे।
-कल से प्रदेश भर में धरना-प्रदर्शन करेंगे कर्मचारी जनवरी माह के 4 दिन बीत जाने के बाद भी बिजली बोर्ड कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है, जिससे बोर्ड के तकनीकी कर्मचारियों का सब्र का बांध टूटता जा रहा है। संघ के प्रदेश महामंत्री नेक राम ठाकुर ने कहा कि इस समय पूरे प्रदेश में तकनीकी कर्मचारी बहुत ही विकट परिस्थितियों में काम कर रहे हैं। 4 से 5 हजार तकनीकी कर्मचारियों की कमी के बावजूद ये दिन-रात काम कर 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवा रहे हैं। कर्मचारियों ने सरकार व प्रबंधन का 3 दिन तक वेतन अदायगी का इंतजार किया, परंतु अब संघ आंदोलन की ओर आगे बढ़ेगा। 5 जनवरी से प्रदेश भर के तकनीकी कर्मचारी अपने-अपने डिवीजन, सर्किल और चीफ ऑफिस में धरना -प्रदर्शन करेंगे। संघ के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण कपटा ने स्पष्ट किया है कि सरकार उपभोक्ताओं को दी जाने वाली 125 फ्री यूनिट की सब्सिडी बिजली बोर्ड को समय पर दे अन्यथा इस फैसले को वापस ले। कल से बिजली व्यवस्था बाधित होती है तो इसके लिए बोर्ड प्रबंधन जिम्मेदार होगा। धरने के संबंध में नोटिस बोर्ड प्रबंधन को दे दिया गया है। इसके उपरांत प्रदेश पदाधिकारियों की 7 जनवरी को होने वाली बैठक में आगामी रणनीति बनाई जाएगी।
जिला सोलन के माध्यम से शास्त्री अध्यापक के 31 पदों पर बैचवाइज भर्ती के लिए काउंसलिंग अब 10 जनवरी को उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोलन के कार्यालय में प्रात: 11 बजे होगी। यह जानकारी उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोलन संजीव कुमार ने दी। संजीव कुमार ने कहा कि इन पदों के लिए काउन्सलिंग पहले 17 नवंबर को निर्धारित की गई थी, परंतु प्रारंभिक शिक्षा हिमाचल प्रदेश के दिशा-निर्देशों के अनुसार काउंसलिंग पर रोक लगा दी गई थी। उन्होंने कहा कि जिन अभियार्थियों ने 17 नवंबर को काउंसलिंग में भाग लिया था, उन्हें दोबारा काउंसलिंग में भाग लेने की आवश्यक नहीं है। उन्होंने कहा कि 10 जनवरी को आयोजित होने वाली काउंसलिंग में केवल वही उम्मीदवार भाग लें, जिनकी काउंसलिंग अभी तक नहीं हुई है। उप निदेशक ने कहा कि शास्त्री के इन 31 पदों में से 12 पद अनारक्षित, 7 पद अनुसूचित जाति, 1 पद अनुसूचित जनजाति, 4 पद अन्य पिछड़ा वर्ग, 4 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, 1 पद अनुसूचित जाति (बीपीएल), 1 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (बीपीएल) तथा 1 पद अनुसूचित जनजाति (बीपीएल) श्रेणी में से भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतिम वरियता सूची निदेशालय स्तर पर बी.एड के बैच आधार पर तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि चयनित उम्मीदवारों की वरियता एवं उनके द्वारा दी गई प्राथमिकता के आधार पर नियुक्ति के लिए जिला का निर्धारण किया जाएगा। संजीव कुमार ने कहा कि उम्मीदवार अपने गृह ज़िला में ही काउंसलिंग के लिए उपस्थित हो सकते हैं। अन्य जिले का कोई भी उम्मीदवार काउंसलिंग में भाग नहीं ले सकता है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों को अपने गृह जिला में ही काउंसलिंग में भाग लेना होगा और अपने गृह ज़िला में ही सभी 12 जिलों की प्राथमिकताएं देनी होगी। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार का गृह जिला उसके द्वारा प्रस्तुत हिमाचली प्रमाण पत्र के अनुसार मान्य होगा। उप निदेशक ने कहा कि इस चयन प्रक्रिया में वही उम्मीदवार भाग ले पाएंगे जो भर्ती एवं पदोन्नति नियम तथा अब तक राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद द्वारा जारी अधिसूचनाओं के तहत निर्धारित योग्यता पूर्ण करते हों। उन्होंने कहा कि काउंसलिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी निदेशालय प्रारंभिक शिक्षा व समस्त जिला के उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
-केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने में मांगा सहयोग मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से कैंसर, मधुमेह, सीबीडी और स्ट्रोक रोकथाम एवं नियंत्रण के राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में प्राथमिकता के आधार पर राज्य कैंसर संस्थान स्थापित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य में कैंसर मामलों की बढ़ती दर के दृष्टिगत यह संस्थान स्थापित करना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक निर्मित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाया कि राज्य में लोगों को सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं और प्रदेश सरकार ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य बुनियादी अधोसंरचना को सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सुपर स्पेशियलिटी बुनियादी अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण की दिशा में भी कार्य कर रही है। उन्होंने डॉ. राधा कृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में मातृ एवं शिशु अस्पताल विंग की क्षमता 100 से बढ़ाकर 200 बिस्तर करने का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में यात्रियों व पर्यटकों को समय पर त्वरित आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नागरिक अस्पताल घुमारवीं तथा श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक, परवाणू-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नागरिक अस्पताल धर्मपुर और पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नागरिक अस्पताल पालमपुर के लिए चार ट्रामा सेंटर स्वीकृत करने का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने चंबा, हमीरपुर और नाहन में तीन नर्सिंग कॉलेजों की स्थापना के लिए आवश्यक स्वीकृति और धन उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने का भी आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने राज्य को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
-पैतृक गांव लंज में राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार -बहन रीता देवी ने दी भाई को मुखाग्नि, शोक में डूबा पूरा क्षेत्र अरुणाचल प्रदेश में सेना की अटलरी बटालियन में चीन सीमा पर पेट्रोलियम के दौरान शहीद हुए जिला कांगड़ा के शाहपुर विधानसभा के तहत लंज खास पंचायत के 25 वर्षीय रोहित का राजकीय सम्मान के साथ लंज खास में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में जनसैलाब उमड़ा तथा युवाओं तथा नगारिकों ने भारत माता की जय के नारों के साथ शहीद को अंतिम विदाई दी। बहन रीता देवी ने अपने भाई को मुखाग्नि दी। एडीसी कांगडा रोहित जस्सल, तहसीलदार कांगडा मोहित रतन पंचायत प्रधान रेखा देवी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। गौरतलब है कि 25 वर्षीय रोहित अरुणाचल प्रदेश में सेना की अटलरी बटालियन में चाइना बॉर्डर पर पेट्रोलियम के दौरान ग्लेशियर पर पैर फिसलने से शहीद हो गए थे। मंगलवार तीन बजे के करीब रोहित के मामा को आर्मी के अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रोहित पैट्रोलिंग के लिए साथियों के साथ जा रहा था तो अचानक उसका पैर फिसल गया है, वह ग्लेशियर की पहाड़ी से गिर गया। जब तक उसको वहां से निकाला गया, तब तक रोहित शहीद हो चुका था। रोहित के मामा पवन कुमार ने बताया कि रोहित दो महीने पहले ही 3 नवंबर को छुट्टी काट कर गया था।
-डीजीपी और एसपी कांगड़ा ने दी ऑर्डर वापस लेने की अर्जी हिमाचल उच्च न्यायालय में आज डीजीपी संजय कुंडू और कारोबारी निशांत शर्मा मामले में सुनवाई हुई। कोर्ट में हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने मामले में अब तक की जांच की स्टेटस रिपोर्ट पेश की, वहीं डीजीपी और एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने ट्रांसफर के ऑर्डर वापस लेने को लेकर कोर्ट में एप्लिकेशन दी। हाई कोर्ट में यह केस जस्टिस एमएस रामचंद्र राव और जस्टिस ज्योत्सना रेवाल दुआ की बैंच में लगा है। अब हाई कोर्ट संजय कुंडू का पक्ष सुनने के बाद तय करेगा कि मामले में जांच पूरी होने तक उन्हें डीजीपी पद से हटाया जाए या नहीं। गौरतलब है कि गत 26 दिसंबर को हिमाचल उच्च न्यायालय ने डीजीपी संजय कुंडू और एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री को पद से हटाने के आदेश दिए थे, ताकि मामले में निष्पक्ष जांच हो सके। वहीं, आदेशों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे संजय कुंडू को उच्चतम अदालत से बड़ी राहत मिली थी। सुप्रीम कोर्ट ने बिना डीजीपी का पक्ष सुने उन्हें पद से हटाने के आदेश पर रोक लगा दी थी और रिकॉल अर्जी को दो सप्ताह में निपटाने के आदेश दिए थे।
- हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग करेगा भर्ती - भर्ती के लिए जरूरी संसाधनों को जुटाने की तैयारियां शुरू हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट (ओटीए) की भर्ती प्रक्रिया को तीन माहीने में पूरा करेगा। आयोग के माध्यम से ऑनलाइन भर्ती मॉडल के तहत यह पहली भर्ती आयोजित हो रही है। भर्ती प्रक्रिया के लिए जरूरी संसाधनों को जुटाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। इन तैयारियों के सिलसिले में आयोग के मुख्य प्रशासक ने बुधवार को आयोग से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की है।
-लंज स्कूल के विद्यार्थियों ने सेल्यूट कर किया नमन अरुणाचल प्रदेश में एक ग्लेशियर पर पैर फिसलने से खाई में गिरने से शहीद हुए कांगड़ा जिले के 25 वर्षीय जवान रोहित कुमार की पार्थिव देह आज उनके पैतृक गांव लंज पहुंची। इस दौरान लंज स्कूल के विद्यार्थियों ने सेल्यूट कर शहीद रोहित को नमन किया। शहीद की प्रारंभिक शिक्षा इसी स्कूल से हुई थी। रोहित कुमार वर्ष 2018 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और पूर्वोत्तर अरुणाचल प्रदेश में चीन सीमा पर ड्यूटी पर तैनात थे। गौर रहे कि गत सोमवार को ग्लेशियर पर पैर फिसलने से रोहित कुमार गहरी खाई में गिर गए थे। लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उन्हें खाई से बाहर निकाला गया। उन्हें सेना अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नौजवान की शहादत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वह अपने पीछे मां और बहन को छोड़ गए।
**अमनदीप सिंह निवासी जालंधर के रूप में हुई पहचान ** दूसरे व्यक्ति गंगा सिंह निवासी करसोग की तलाश जारी हिमाचल के जिला मंडी में बीच सड़क पर भिड़ने के बाद ब्यास नदी में गिरे दो चालकों में से एक का शव बरामद कर लिया गया है। शव की पहचान अमनदीप सिंह पुत्र सरदार चरण सिंह निवासी जालंधर के रूप में हुई है। शव को माहूंनाग डाईविंग एसोसिएशन सुंदरनगर के डाईवर श्याम लाल, शिव राम, तिलक राज, मनु और लक्ष्मण दास ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी के नीचे से ढूंढ निकाला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल हॉस्पिटल मंडी भेज दिया गया है। शव को देखने से पता चल रहा है कि गिरने से पहले उसका सिर किसी पत्थर से जोर से टकराया है और सिर पर गहरी चोट लगने के बाद पानी में गिरने से उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरे व्यक्ति गंगा सिंह निवासी करसोग, जिला मंडी की तलाश भी दिन भर जारी रही, लेकिन उसका कहीं अता-पता नहीं चल सका। इस कारण सर्च ऑपरेशन को बंद कर दिया गया है। वीरवार से सर्च ऑपरेशन को फिर से शुरू किया जाएगा।
-9 जनवरी को बारिश-बर्फबारी के आसार हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में आगामी 24 घंटों तक घने कोहरे का अलर्ट जारी हुआ है। प्रदेश के मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा सहित मंडी, सोलन, सिरमौर में 5 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। इन मैदानी जिलों में बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी घना कोहरा छाया रहा। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा सहित सोलन, सिरमौर और मंडी के कई क्षेत्रों में कोहरा छाए रहने से ठंड बढ़ गई है। इन क्षेत्रों में नाममात्र के लिए धूप खिली। हालांकि राजधानी शिमला सहित सूबे के ऊंचाई वाले जिलों में बुधवार को मौसम साफ रहने के साथ धूप खिली रही। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में 9 जनवरी को बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।
अरनी यूनिवर्सिटी चांसलर विवेक सिंह पर हुए जानलेवा हमले को लेकर इंदौरा पुलिस कड़ाई से जांच कर रही है। अरनी यूनिवर्सिटी के कुलपति विवेक सिंह ने इंदौरा के ही जिला परिषद सदस्य प्रवीण कुमार मिंदा के खिलाफ उन पर जानलेवा हमला करवाने का मामला दर्ज करवाया है, जिसको लेकर कल भी इंदौरा में अर्नी यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया, जिसे लेकर पुलिस द्वारा यूनिवर्सिटी के कुछ बच्चों पर भी मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी वायरल हुई जो कि एसडीएम इंदौरा व यूनिवर्सिटी के कुलपति के बीच हुई बातचीत का है। इसमें कुलपति से विश्वविद्यालय से निकाले गए कर्मचारियों को वापस काम पर रखने की बात कही गई है। एसडीएम ने भी अपना पक्ष रखा और कहा कि उनके द्वारा सिर्फ निकाले गए कर्मचारियों को वापस नौकरी पर रखने की बात कही गई है, इसके अलावा कोई भी अन्य बात उनके द्वारा नहीं की गई है। उन्हें बिना किसी बात के इस मामले में घसीटा जा रहा है। वहीं, इस मामले में जब थाना प्रभारी इंदौरा अशीष पठानिया से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की कड़ी जांच की जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज ले ली हैं, लेकिन सभी फुटेज 4 से 5 घंटे की हैं, जिन्हें जांचने में थोड़ा समय लगेगा।


















































