राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज राज भवन में 'मेरी माटी मेरा देशÓ अभियान के तहत नेहरू युवा केंद्र तथा भारतीय तिब्बत सीमा बल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों तथा आईटीबीपी के जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि जननी व जन्मभूमि की महता स्वर्ग से भी बढ़कर है। भारत शूरवीरों की धरती है, जहां के हर प्रांत में स्वतंत्रता सेनानी व सेना के जवान हैं, जिन्होंने देश के लिए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत की आजादी के 75 वर्ष पूरा होने पर कार्यान्वित किए गए इस कार्यक्रम से व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित हुई है। प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच व देश प्रेम की भावना से किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह कार्यक्रम नई युवा पीढ़ी में देश भक्ति व देश सेवा की भावना को सुदृढ़ करने के दृष्टिगत आरम्भ किया गया है। राज्यपाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने 'मेरी माटी मेरा देशÓ अभियान गांवों व कस्बों के गुमनाम नायकों व शूरवीरों की स्मृतियों को संजोए रखने के लिए शुरू किया है। इस अभियान से स्वतंत्रता संग्राम में जान न्यौछावर करने वाले ऐसे अनेक शहीदों का योगदान सामने आया है जिनका नाम उनके गांव वालों ने भी भूला दिया था। देश भर में शहीदों के परिवारों को सम्मानित कर सम्बन्धित गांव में शहीदों के नाम शिलाफलकम पर लिखे गए हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत युवा स्वयंसेवकों ने अपने गांव और शहीदों के घर से एक चुटकी मिट्टी व पौधे एकत्रित किए हैं। देश भर से मिट्टी केे 7500 कलशों में लाई गई मिट्टी से दिल्ली में अमृत वाटिका का निर्माण होगा। पौधों को शहीद वाटिका में लगाया जाएगा ताकि आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा में शहीदों के बलिदान से अवगत करवाया जा सके। शुक्ल ने कहा कि देशहित सर्वोपरि है। समाज के प्रत्येक वर्ग का कर्त्तव्य है कि वह देश की रक्षा में तैनात सैनिकों का सम्मान करे। उन्होंने बर्फीले व कठिन क्षेत्रों में देश की सीमा पर तैनात आईटीबीपी के जवानों द्वारा दी जा रही सेवाओं के लिए उनका आभार प्रकट किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रदेश के सभी गांवों, शहरी निकायों तथा आईटीबीपी के जवानों द्वारा प्रदेश के विभिन्न 10 दर्रों से एकत्रित मिट्टी के कलशों को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना किया। उन्होंने दिल्ली जाने वाले नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों को दिल्ली रवाना करते हुए कहा कि वे हिमाचल प्रदेश के गौरव को बनाये रखने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वे याद रखें कि उनका सम्बन्ध ऐसे प्रदेश से है जिसे मेजर सोमनाथ की शहादत पर देश के पहले परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था। राज्यपाल ने उपस्थित जनसमूह को भारत को विकसित देश बनाने में अपनी सहभागिता दर्ज करवाने की शपथ भी दिलवाई। निदेशक नेहरू युवा केंद्र ईरा प्रभात ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा प्रदेश में नेहरू युवा केंद्र की उपलब्धियों का विस्तृत ब्योरा दिया। कमांडैंट केंद्रीय सीमा सुरक्षा बल केदार रावत ने राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप, सचिव, शिक्षा राकेश कंवर, राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा तथा डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के कुलपति राजेश्वर चंदेल भी उपस्थित थे।
-कहा, नए कानून पर हो रहा मंथन, ड्रग माफिया की कमर तोड़ना है लक्ष्य -नेता प्रतिपक्ष न करें उछल-कूद; चिट्टा, पेपर लीक व क्रिप्टो करेंसी स्कैम भाजपा सरकार की देन हिमाचल के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल की सरकार संगठित अपराध पर नया कानून बना रही है, ताकि ऐसे अपराध को रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जा सकें। ऊना मुख्यालय पर विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि संगठित अपराध रोकना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में आई आपदा के बाद हुए नुकसान पर आए दिन भाजपा के नेताओं द्वारा केंद्र से मदद आई है, केंद्र के पैसे का प्रयोग हो रहा है, इस पर कड़ी टिप्पणी व्यक्त करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा नेता बताएं कि आपदा पैकेज में 7 लाख रुपये, जो घर निर्माण के लिए दिया जा रहा है जो अन्य राहत प्रदेश सरकार द्वारा दी जा रही है, उसमें केंद्र सरकार क्या पैसा दे रही है। उसकी एक भी अधिसूचना जारी हो तो बता दें। उन्होंने कहा कि यह सारा पैसा प्रदेश अपने बजट से दे रहा है। उन्होंने कहा कि नशे पर निर्णायक लड़ाई लड़नी है, माफिया की कमर तोड़ना लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ड्रग के विरुद्ध सख्त कानून बनाए ऐसी हिमाचल ने मांग भी की है। उन्होंने कहा कि सिंथेटिक ड्रग, चिट्टा विदेश से आ रहा है, इसलिए केंद्र सरकार को और सतर्क रहकर इस पर निगरानी करनी होगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 1575 मामले मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किए हंै, 14 किलो चिट्टा पकड़ा गया। यह भाजपा सरकार के समय की गई कार्रवाई से अधिक है। प्रदेश में चिट्टा कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने कहा कि चिट्टा के विरुद्ध पुलिस को पूरे हक़ दिए गए हैं । मुकेश ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार में क्रिप्टो करेंसी का कारोबार धड़ल्ले से चलता रहा। इसमें दो हजार करोड़ की राशि का फ्रॉड हुा और हिमाचल के एक लाख लोग इसके शिकार हुए। 500 करोड़ लोगों का फंस गया है। अभी इस मामले में दस गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। मुख्य सरगना दुबई भाग गया है। जैसे ही वह वापस आएगा, उसे गिरफ्तार किया जाएगा। भाजपा शासन काल में पेपर बेचे जाते रहे, जिसके चलते कर्मचारी चयन आयोग को भंग करना पड़ा। क्रिप्टो करेंसी मामले में हमने विधानसभा में एसआईटी गठित की। नशा निवारण केंद्रों पर सख्ती बरती गई। अभी और भी कई राडार पर हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर अधिक उछल-कूद न करें। वह लगातार कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, वह इस बात को देख लें कि कांग्रेस सरकार कानून व्यवस्था पर सख्त कार्रवाई कर रही है। चिट्टा, पेपर लीक, क्रिप्टो करेंसी ये सब मामले भाजपा सरकार की देन हंै, जिन्हें भाजपा सरकार पकड़ नहीं पाई थी। आज कांग्रेस की सरकार इन मामलों पर कार्रवाई कर रही है। वॉटर सेस पर केंद्र डाल रहा अड़ंगा उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वाटर सेस पर केंद्र सरकार लगातार अड़ंगे लगा रही है। यह मामला अदालत के विचाराधीन होने के बावजूद केंद्र सरकार ने एक और पत्र प्रदेश सरकार को लिखा है। उत्तराखंड हाईकोर्ट का फैसला आया है, जिसमें वाटर सेस लगाने को जायजा ठहराया गया है। पानी का अधिकार राज्य है। राज्य उस पर टैक्स लगा सकता है। असंवैधानिक कहना अधिकार केंद्र सरकार का नहीं है। यह अदालत का कार्य है। यह सरकार ने पूरी तरह से अध्ययन करके कानून बनाया है। केंद्र सरकार को इस पर रवैया ठीक नहीं है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस वाटरसेस से प्रदेश को 4000 करोड़ की आमदन होनी थी ,हमने डायलॉग की बात की, खुले मन से कंपनियों का पक्ष सुना, हमने सेस को कम किया और अब प्रदेश को 1872 करोड रुपए की आमदनी होगी, इसमें से 29 करोड़ रुपए तो प्रदेश को आ चुका है। केंद्र की सरकार जानबूझकर कंपनियों को भड़का रही है और प्रदेश के संसाधनों को रोकने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमने कानून बनाया है हम इस पर आगे भी बढ़ेंगे, दबाव कम नहीं आएगा। मुकेश ने कहा कि यह साफ हो गया कि केंद्र की सरकार हिमाचल हितेषी नहीं है, बल्कि हिमाचल के विकास को रोकने का काम कर रही है। न क्लेम ,न मदद, न राहत दी यह केंद्र का कैसा हिमाचल प्रेम अग्निहोत्री ने एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी पर आपदा के दौरान प्रदेश का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विधानसभा में राहत पैकेज का समर्थन नहीं किया। केंद्र की सरकार अगर हिमाचल को आर्थिक पैकेज देने में आपदा के लिए संकोच कर रही है तो कम से कम जो हिमाचल का क्लेम बनता है जो हिमाचल में नुकसान हुआ है, उसकी रिपोर्ट तथ्यों सहित केंद्र सरकार को सौंपा है, वह बनता क्लेम हिमाचल को तुरंत दिया जाना चाहिए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि करीब 10,000 करोड़ का क्लेम हिमाचल ने केंद्र सरकार को सौंपा है।
जिला चंबा के ब्लॉक भरमौर में 'मेरी माटी, मेरा देश ' कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। 15 अगस्त से शुरू किए गए इस कार्यक्रम के तहत भरमौर की हर पंचायत व गांव-गांव से मिट्टी एकत्रित की गई थी। उस मिट्टी को एक पवित्र अमृत कलश में एकत्रित किया गया। 31 अक्टूबर को राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के युवाओं को संबोधित करेंगे व पंच प्रण की शपथ दिलाएंगे। (एनवाईकेएस) चंबा, भरमौर के राष्ट्रीय स्वयंसेवी मनीष ठाकुर ने बताया कि 15 अगस्त से भरमौर में 'मेरी माटी, मेरा देशÓ मिट्टी को नमन वीरों का वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत विकास खंड भरमौर के गांव-गांव से एक मु_ी मिट्टी को एकत्रित किया गया था, जिसको एक कलश में डाला गया था। इसके तहत रविवार सुबह राजभवन शिमला में एक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के समापन के दौरान इस कार्यक्रम की घोषणा की गई थी। देशभर में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में भरमौर के विभिन्न-विभिन्न गांवों में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई थी। इस कार्यक्रम के दौरान सम्मानित नागरिकों के साथ पंचप्रण की शपथ लेकर अमृत कलश यात्रा को भी रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा आज राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका आयोजन राज भवन शिमला में किया गया। इसमें मुख्य अतिथि राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला रहे। उन्होंने अमृत कलश को कर्तव्य पथ इंडिया गेट, नई दिल्ली ले जाने की अनुमति दी। इसमें भरमौर के मनीष ठाकुर को राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के लिए चुना गया है।
भारत की जनजातियां देश के लगभग सभी राज्यों में फैली हुई है। अलग- अलग राज्यों में इनके रीति-रिवाज और रहन सहन भी एकदम अलग होते हैं। जनजातियां, भारतीय आबादी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। जनजातीय संस्कृति भारत की अमूर्त राष्ट्रीय विरासत का एक अभिन्न अंग है। यह उद्गार प्रोफेसर नारायण ने रविवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र मोहली खनियारा में इतिहास हिमालयन जनजातियों का इतिहास एवं संस्कृति सामाजिक स्थिति तथा निरंतरता विषय पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि व्यक्त किए। उन्होंने हिमालय तथा अन्य क्षेत्रों की जनजातियों के इतिहास तथा समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने भारतीय औपनिवेश काल तथा अंग्रेजों के शासन काल में विभिन्न जनजातियों के मानवीय अधिकारों तथा अजीविका के साधनों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर जनजातियों के विभिन्न समृद्व सांस्कृतिक पक्षों के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। इससे पहले क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र के निदेशक प्रो धर्म प्रकाश वर्मा ने कहा कि भारत वैविध्य पूर्ण आदिवासी संस्कृति से संपन्न देश रहा है जिसने आधुनिकीकरण के दबाव के बावजूद अपनी परंपराएं और मूल्य आज भी सुरक्षित रखे हैं। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय सम्मेलन में दो सौ से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर प्रो कुलवंत राणा, अंकुश भारद्वाज, डॉ. मोहिंदर, डॉ. चेत राम, डॉ. सकंद मिश्रा, डॉ. बलराज बरार, संयोजक डा राजकुमार, आयोजन सचिव राजेंद्र कुमार सहित संस्थान के 148 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ सेवाएं के चुनाव उद्यान विभाग निदेशालय नव बिहार के सभागार हॉल शिमला में संपन्न हुए। इसमें भारी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया। इसमें सर्वसम्मति से महासंघ अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर, महासचिव राजीव चौहान एवं उपाध्यक्ष एलडी चौहान चुने गए। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ब्लॉक देहरा के प्रधान विजय अशरफ ने समस्त कार्यकारिणी द्वारा उनको ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं।
-स्वास्थ्य मंत्री ने प्रेस क्लब सोलन की भूमि का किया निरीक्षण स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि पत्रकारों द्वारा समय-समय पर आयोजित की जाने वाली खेलकूद प्रतियोगिताएं जहां एक और लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ को तनाव मुक्त करती हैं, वहीं उन्हें अपने कार्य में और दक्ष बनाती हैं। डॉ. शांडिल आज यहां जिला पत्रकार संघ सोलन द्वारा आयोजित दो दिवसीय क्रिकेट लीग के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज को सही दिशा दिखाने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्तमान में पत्रकार प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन को जागरूक रखने के लिए कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन मानसिक दबाव को कम कर शारीरिक स्फूर्ति कायम रखने में सहायक सिद्ध होते हैं। डॉ. शांडिल ने कहा कि मीडिया आज सभी के लिए ज़रूरी है। मीडिया न केवल सरकार की कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पंहुचाने में सहायक बनता है अपितु आमजन की फीडबैक सरकार तक पंहुचाकर नीतियों को अधिक जनहितैषी बनाने में भी सराहनीय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि सदैव सत्य का साथ दें और कल्याणकारी नीतियों को सरल कर जन-जन तक पंहुचाएं। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना हैं और सरकार पत्रकारों से समयबद्ध एवं दबावरहित फीडबैक की अपेक्षा रखती है। उन्होंने आयोजन के लिए पत्रकार संघ को बधाई दी और आशा जताई कि भविष्य में भी ऐसी गतिविधियां नियमित रूप से आयेजित होती रहेंगी। उन्होंने ज़िला पत्रकार संघ सोलन को अपनी एच्छिक निधि से 31,000 रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं और श्रेष्ठ खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। डॉ. शांडिल ने तदोपरांत प्रेस क्लब सोलन के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया और उपायुक्त सोलन को दूरभाष पर प्रेस क्लब भवन निर्माण की औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। ज़िला काग्रेस अध्यक्ष शिव कुमार, जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मंडल के सदस्य जतिन साहनी, खण्ड कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, मनोनीत पार्षद विजय ठाकुर, रजत थापा, पुनीत नांरग, प्रथम बटालियन एनसीसी सोलन के कर्नल संजय शांडिल, उप महाधिवक्ता रोहित शर्मा, ग्राम पंचायत सलोगड़ा के पूर्व प्रधान लक्ष्मी दत्त शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा, उपमण्डलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर, पत्रकार संघ सोलन के अध्यक्ष विशाल वर्मा, मुख्य सलाहकार ज्ञान सुमन, अन्य पदाधिकारी, सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त सूबेदार अरविंद शर्मा नें बताया कि हरिओम प्राइवेट आईटीआई एवं बीबीएम पब्लिक स्कूल इंद्रा कॉलोनी में सिटी हॉस्पिटल कांगड़ा के द्वारा फ्री मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में करीब 150-160 रोगियों को हॉस्पिटल द्वारा फ्री दवाइयां व मेडिकल कंसल्टेशन प्रदान की गई। मेडिकल कैंप का आयोजन दा डिस्ट्रेस रिलीफ, चेरिटेबल बेनोवोलेंट सोसाइटी के द्वारा सोसाइटी के चेयरमैन सेवानिवृत्त कर्नल ऐसी परमार तथा उनके अन्य सदस्यों के सहयोग से कराया गया। चैरिटेबल सोसाइटी द्वारा सिटी हॉस्पिटल से आए डॉक्टर्स और उनके स्टाफ के लिए चाय नाश्ता व दोपहर के भोजन का आयोजन भी किया गया। क्षेत्रवासियों नें कैंप का आयोजन करने के लिए सिटी हॉस्पिटल एवं डीआरसी सोसाइटी का आभार व्यक्त किया। सोसाइटी के सूरम चंद राणा एवं रंगील सिंह और हरिओम इस सारे कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
करोड़ों रुपये के क्रिप्टो करेंसी फ्रॉड केस में एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई की है। एसआईटी ने हमीरपुर जिले में विभिन्न 21 ठिकानों पर दबिश दी है। एसआईटी ने मोबाइल फोन, लैपटॉप, कंप्यूटर, बैंक डिटेल समेत अन्य संपत्तियों की जांच की है। अधिकारी रिकॉर्ड को खंगाल रहे हैं। पुलिस विभाग और वन विभाग में सेवारत कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों से भी पूछताछ की है। भोलेभाले लोगों को पैसा दोगुना करने का झांसा देकर क्रिप्टो करेंसी में आरोपियों ने निवेश करवाया था। आरोपियों के पास आलीशान घर, लग्जरी गाड़ियां देखकर एसआईटी भी हैरान है।
-पांच नवंबर को होगा मतदान, मतगणना भी पंचायत मुख्यालय पर होगी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने पंचायतों के उप चुनावों के दृष्टिगत पंचायती राज एक्ट 194 की धारा-158 बी के तहत आदेश जारी करते हुए मतदान के 48 घंटें पूर्व पब्लिक मीटिंग, जुलूस इत्यादि पर संबंधित पंचायतों में पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उल्लेखनीय है कांगड़ा जिला में पंचायत उपचुनावों के लिए 5 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। वोटिंग सुबह 8 बजे से सायं 4 बजे तक होगी। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद प्रधान, उप प्रधान और पंचायत सदस्य के पदों के लिए मतों की गिनती संबंधित पंचायत मुख्यालय पर होगी और प्रक्रिया पूर्ण होते ही चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंग। चुनावों की घोषणा के साथ ही प्रधान, उप प्रधान तथा पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों के चुनाव को लेकर संबंधित ग्राम पंचायत में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू रहेगी।
-पूर्व सैनिकों को बुढ़ापा पेंशन के लिए 35 हजार रुपये की आय सीमा समाप्त -365 शौर्य पुरस्कार और उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार विजेताओं को 74 लाख रुपये वितरित हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी कहा जाता है। प्रदेश से हजारों युवा देश की सरहदों की रक्षा के लिए सेना में अपनी सेवाएं प्रदान करने के लिए तत्पर रहते हैं। वीर सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वर्तमान प्रदेश सरकार ने युद्ध अथवा सैन्य ऑपरेशन के समय हुए शहीद या दिव्यांग सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि की दरों में सम्मानजनक वृद्धि की है। युद्ध या युद्ध जैसी परिस्थितियों में शहीद सैनिक, जिनमें सशस्त्र सेना व अर्द्धसैनिक बलों के जवान शामिल हैं, उन्हें पूर्व में प्रदत्त 20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि को बढ़ाकर 30 लाख रुपये किया गया है। इसी प्रकार बीमारी या किन्हीं अन्य कारणों से मृत्यु की स्थिति में सैनिक के आश्रितों को प्रदत्त अनुग्रह राशि को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 7.50 लाख रुपये किया गया है। 50 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता वाले सैनिक जो इस कारण सेवानिवृत्त हुए हों, उन्हें दी जाने वाली अनुग्रह राशि को 2.50 लाख रुपये से बढ़ाकर 3.75 लाख रुपये किया गया है। 50 प्रतिशत से कम की दिव्यांगता वाले सैनिक जो इन्हीं कारणों से सेवानिवृत्त हुए हों, उन्हें पूर्व में प्रदत्त एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि को बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये किया गया है। वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान अभी तक 22 लाभार्थियों को 2 करोड़ 22 लाख रुपये की अनुग्रह राशि वितरित की गई है। प्रदेश सरकार विभिन्न शौर्य पुरस्कारों से सम्मानित भूतपूर्व सैनिकों को उनकी बहादुरी के सम्मान में नकद पुरस्कार, वार्षिकी व भूमि की एवज़ में नकद राशि प्रदान करती है। शौर्य पुरस्कार और उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार विजेताओं को यह राशि प्रदान की जा रही है। वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा अभी तक 365 लाभार्थियों को 73,93,975 रुपये की राशि वितरित की गई है। पूर्व सैनिकों के पुनरुत्थान व पुनर्वास के लिए भी विशेष निधि के तहत विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पूर्व सैनिकों एवं उनके बच्चों को विशेष निधि के अन्तर्गत विभिन्न छात्रवृत्तियां प्रदान की जा रही हैं। इसके लिए वार्षिक आय की अधिकतम सीमा 7 लाख रुपये निर्धारित की गई है। यह छात्रवृत्तियां स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम, बहुतकनीकी व कृषि विश्वविद्यालय, मेडिकल व इंजीनियरिंग तथा आयुर्वेद जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम सहित आईटीआई व अन्य ऐसे ही पाठ्यक्रमों के लिए प्रदान की जाती हैं। प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार में 15 प्रतिशत आरक्षण का भी प्रावधान किया गया है। पद के लिए पात्रता और योग्यता अनुसार पूर्व सैनिक उपलब्ध नहीं होने पर अधिसूचना के 2 वर्ष बाद ऐसे पदों का अप्राप्यता प्रमाण पत्र संबंधित विभाग को दिया जाता है। इसके उपरांत संबंधित विभाग द्वारा नियमावली के अनुसार इन पदों पर पूर्व सैनिकों के बच्चोंं की नियुक्ति की जाती है। वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा इस वर्ष अभी तक 300 पूर्व सैनिकों अथवा उनके आश्रितों को नियुक्तियां प्रदान की गई हैं। प्रदेश सरकार द्वारा युद्ध विधवाओं की पुत्री की शादी के लिए 50 हजार रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह सहायता केवल दो पुत्रियों के लिए लागू है। ऐसे भूतपूर्व सैनिक जिन्हें किसी प्रकार की पेंशन नहीं मिलती तथा जिनकी आयु 60 वर्ष से अधिक है, इस श्रेणी के भूतपूर्व सैनिकों अथवा उनकी विधवाओं को 3000 रुपये प्रतिमाह तथा द्वितीय विश्व युद्ध के भूतपूर्व सैनिकों अथवा उनकी विधवाओं को क्रमश: 10000 व 5000 रुपये प्रतिमाह वृद्धावस्था पेंशन बतौर आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा इस वित्त वर्ष में अभी तक 1162 लाभार्थियों को एक करोड़ 48 लाख 34 हजार 969 रुपये के लाभ प्रदान किए गए हैं। वर्तमान सरकार ने बुढ़ापा पेंशन के लिए 35 हजार रुपये की आय सीमा को भी 2 सितंबर, 2023 से समाप्त कर दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि हमारे वीर सैनिक देश की सरहदों को सुरक्षित रखने में अपना सर्वस्व बलिदान करने के लिए तत्पर रहते हैं। इसी कारण हम सभी स्वयं को सुरक्षित महसूस कर पाते हैं। प्रदेश सरकार इन वीर जवानों, पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी सरकार ने पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित 15 प्रतिशत पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने का प्रावधान अपने प्रथम बजट में ही किया है।
-प्रदेश सचिवालय में भी गैर फॉर्मल कपड़े पहनने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई -प्रधान सचिव सामान्य प्रशासन भरत खेड़ा ने जारी किया सर्कुलर प्रधान सचिव सामान्य प्रशासन भरत खेड़ा ने एक सर्कुलर जारी किया है, जिसके अनुसार हिमाचल प्रदेश सचिवालय समेत सरकारी दफ्तरों में अधिकारी और कर्मचारी अगर जीन, टी-शर्ट या अन्य गैर फॉर्मल कपड़े पहनकर आए तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। प्रदेश हाईकोर्ट और अन्य अदालतों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों को फॉर्मल ड्रेस पहनकर ही जाना होगा। इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वर्दी पहन कर ही कार्यालय में आना होगा। सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश उच्च न्यायालय ने वर्ष 2017 में इस संबंध में निर्देश जारी किए थे। उसके बाद कार्मिक विभाग ने सभी विभागों को दिशा-निर्देश तैयार कर जारी किए थे, जिसमें ड्रेस कोड के बारे में जानकारी दी थी। इसमें स्पष्ट किया था कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारी उपयुक्त, औपचारिक, साफ और अच्छे दिखने वाले और सही रंग के कपड़े पहनकर ही सरकारी दफ्तर में आएंगे। वे उच्च न्यायालय या अन्य अदालतों में उपस्थित होते हुए भी फॉर्मल और सही तरीके के कपड़े पहनेंगे। इस सर्कुलर के अनुसार हालांकि यह ध्यान में आया है कि इन निर्देशों की ठीक से अनुपालना नहीं की जा रही है। यही नहीं, प्रदेश के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी सही कपड़ों में नहीं पहुंच रहे हैं। उनके लिए पहले से ही वर्दी तय है। अधिकारियों और कर्मचारियों के कपड़े पहनने का अंदाज कार्यालय की व्यावसायिकता, गंभीरता और अनुशासन की शैली को भी प्रदर्शित करता है। ऐसे में राज्य सचिवालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी इन निर्देशों की अनुपालना करें। अगर इस संबंध में किसी भी तरह की कोताही बरती जाती है तो ऐसे में अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए कंडक्ट रूल्स में प्रावधान होने की भी बात की गई। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों में केवल वही वर्दी नहीं पहनेंगे, जिन्हें इससे पहले अनिवार्य नहीं किया गया है।
-कहा, आईटीआई में ड्रोन तकनीक सहित आर्टिफिशियल इटेंलीजेंस के पाठ्यक्रम किए जा रहे शुरू स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि मेले, उत्सव एवं त्योहार हमारी सभ्यता के परिचायक हैं। डॉ. शांडिल गत सायं सोलन विकास खंड की ग्राम पंचायत सलोगड़ा में आयोजित तीन दिवसीय श्री ब्रिजेश्वर देव मेला के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय ब्रिजेश्वर देव मंदिर में पूजा-अर्चना की और सभी के सुख, स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की। डॉ. शांडिल ने कहा कि भविष्य का सुखद आधार इतिहास से निर्मित होता है और संस्कृति का संरक्षण इतिहास की जानकारी में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने समृद्ध इतिहास, विविध संस्कृति और परंपराओं की जानकारी प्रदान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं का सदैव सम्मान करें ताकि भावी पीढ़ी इनसे सीख सके। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ-साथ हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को सदैव सहेज कर रखना है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि कुश्ती, कबड्डी और ठोडा जैसे पारम्परिक खेलों का नियमित अभ्यास करें। डॉ. शांडिल ने कहा प्रदेश सरकार युवाओं को समय की मांग के अनुसार बेहतर व्यावसायिक शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में ड्रोन तकनीक सहित आर्टिफिशियल इटेंलीजैंस के पाठ्यक्रम आरम्भ किए जा रहे हैं। यह पाठ्यक्रम न केवल युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के लिए तैयार करेंगे अपितु स्वरोज़गार के भी बेहतर अवसर प्रदान करेंगे। सोलन ज़िला के चिन्हित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में भी यह पाठ्यत्त्म आरम्भ किए जाएंगे। डॉ. शांडिल ने कहा कि क्षेत्र की सभी विकास सम्बन्धी मांगों को चरणबद्ध आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन सलोगड़ा के निर्माण की औपचारिकताएं पूर्ण होने पर 05 लाख रुपए की राशि उपलब्ध करवा दी जाएगी। उन्होंने मेला समिति को अपनी एच्छिक निधि से 11,000 रुपए प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर कुशती और ठोडा खेल का आयोजन भी किया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गीता राम महाजन ने इस अवसर पर डॉ. शांडिल को आपदा राहत कोष के लिए अपनी और से 21,000 रुपए का चैक भेंट किया। जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव रमेश ठाकुर, ज़िला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष शिव कुमार, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, संगीता ठाकुर, पूजा, मनोनीत पार्षद रजत थापा, विजय ठाकुर, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के महासचिव लोकेन्द्र शर्मा एवं कुनाल सूद, ग्राम पंचायत सलोगड़ा की प्रधान एव मेला समिति की प्रधान सरोज चौहान, ग्राम पंचायत जौणा जी की प्रधान जयवन्ती, बीडीसी सदस्य संजय शर्मा, युवा कांग्रेस के ज़िला महासचिव जय प्रकाश, ग्राम पंचायत सलोगड़ा के पूर्व प्रधान लक्ष्मी दत्त शर्मा, जोगिन्द्रा बैंक के पूर्व अध्यक्ष मोहन मैहता, अजय कंवर, संधीरा दुल्टा, उपमण्डलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर, अन्य अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
अमेरिका के न्यूयार्क राज्य द्वारा अनुमोदित, भारत सरकार के कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय द्वारा स्वीकृत और मानव अधिकारों की शिक्षा के लिए विश्व भर में कार्यरत प्रतिष्ठित वर्ल्ड ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन कमीशन ने ऊना के प्रसिद्ध उद्योगपति महिंद्र शर्मा को आज अशोका होटल नई दिल्ली में डॉक्टरेट की उपाधि से नावाजा। उन्हें डॉक्टरेट की मानद उपाधि पिछले तीस सालों के दौरान समाज सेवा में किये गए अथाह योगदान के लिए सोशल वर्क में प्रदान की गई। इस अवसर पर फिल्म स्टार गोविंदा,पूर्व क्रिकेटर मदन लाल सहित अनेक गणमान्य हस्तियों ने भाग लिया। उत्तराखंड सरकार द्वारा उन्हें हिंदू धार्मिक मामलों में विशेष रुचि रखने वाले दानदाताओं की श्रेणी में प्रतिष्ठित श्री बद्रीनाथ एवं श्री केदारनाथ मंदिर समिति में नामित किया है जोकि हिंदुओं के पावन स्थलों के प्रबंधन का कार्य देखते हैं। हिंदुओं के पावन ज्योतिर्लिं केदार नाथ धाम में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान की गिनती में पारदर्शिता लाने के लिए उन्होंने इस साल जून माह में एक ग्लास हाउस दान किया गया है जोकि मंदिर परिसर में स्थापित कर दिया गया है। 61 वर्षीय महिंद्र शर्मा जिला के बढेड़ा राजपूतां से संबंध रखते हैं। वह नई दिल्ली के इस्कॉन मंदिर की नवीकरण, ध्पुनरोद्धार समिति के वाइस चेयरमैन हैं और यमुना नदी के पुनरोद्धान के लिए गठित हरी यमुना समिति के उपाध्यक्ष भी हैं। उनकी गणना देश के चोटी के दानवीर उद्योगपतियों में की जाती है। उनकी कंपनी देशभर में राष्ट्रीय महत्व की इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माणए होटलए फूड प्रोसैसिंग, शिक्षा व रियल एस्टेट की महिंद्र शर्मा अनेक धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हैं, जोकि समाज के दबे-कुचले, गरीब और पिछड़े वर्ग के सामाजिक आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने माता चिंतपूर्णी जी के मंदिर में भी चांदी के आवरण के कार्य को संपन्न करने के लिए 2 करोड़ खर्च किए। वह हरी यमुना सहयोग समिति के वाइस चेयरमैन हैं जोकि पावन यमुना नदी की सफाई, यमुना तटों पर पौधरोपण, यमुना नदी में प्रदूषण कम करने सहित अनेक विकास और धार्मिक महत्व की परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित डिग्री से उन्हें समाज सेवा के प्रति ज्यादा समर्पण और निष्ठा से काम करने की प्रेरणा मिलेगी और वह समाज के नीचले हिस्से के लोगों की सेवा में जुटे रहेंगे, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन होगा और सभी लोगों को विकास के समान अवसर मिलेंगे।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुरने कुल्लू में पीटीआई की महिला पत्रकार के साथ हुए दुर्व्यवहार की कड़े शब्दों में आलोचना करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक घटना है। लोकतंत्र में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ कहा जाता है। पत्रकार अपने समाचार संकलन के लिए स्वतंत्र हैं। ऐसे में एक महिला पत्रकार से किसी भी तरह का दुर्व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।
-कहा, केंद्र से तीन टीमें आईं, नहीं हुई अभी तक एक रुपये की मदद -भाजपा के नेता मदद का राग अलापना बंद करें, जो मिला, वह हिमाचल का हक उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेश में आई आपदा के बाद केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय आपदा घोषित न करने,प्रदेश को कोई भी राहत पैकेज ना देने पर आक्रमक तेवर अपनाते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला है। शनिवार को जारी प्रेस ब्यान में मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल को राहत पैकेज देने में असफल साबित हुई है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्र की सरकार अगर हिमाचल को आर्थिक पैकेज देने में आपदा के लिए संकोच कर रही है तो कम से कम जो हिमाचल का क्लेम बनता है जो हिमाचल में नुकसान हुआ है उसकी रिपोर्ट तथ्यों सहित केंद्र सरकार को सौंप है वह बनता क्लेम हिमाचल को तुरंत दिया जाना चाहिए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि करीब 10000 करोड़ का क्लेम हिमाचल ने केंद्र सरकार को सौपा है, सड़के, पानी, सिंचाई, विद्युत व घरों का नुकसान अन्य नुकसान जो हुए हैं, उन सब की जानकारी दी गई है, मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अकेले जल शक्ति विभाग का 2200 करोड़ का नुकसान हुआ है, 600 करोड़ की तो जल जीवन मिशन के तहत चल रही योजनाएं ध्वस्तु हुई, लेकिन केंद्र सरकार की तरफ से भी आपदा को लेकर मदद नहीं दी गई है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा के नेता केंद्र के हिमाचल के आए दिन मदद का राग अलाप रहे। उन्होंने कहा कि जो क्लेम आपदा का रूटीन में आना चाहिए वही आया है ,कुछ पुराना है कुछ आपदा के तहत जो हर वर्ष आता है वही है ,विशेष पैकेज के रूप में कुछ नहीं आया है, इसलिए भाजपा के नेता अपनी जानकारी दुरुस्त करें। उन्होंने कहा कि भाजपा के सांसद भी आवाज नहीं उठा पाए हैं। उन्होंने कहा कि तीन टीमें में हिमाचल का दौरा करके गई है पर अभी तक केंद्र से मदद नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को समय नहीं मिला है हिमाचल का दौरा करने का जबकि उनके कार्यालय तक मदद के लिए तथ्यों सहित बात रखी गई है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल अपना हक मांग रहा है जिसे केंद्र सरकार को बिना देरी देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता केवल राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समय दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश की मदद करने का है, इसलिए प्रदेश हित में बात करनी चाहिए, भाजपा के नेताओं को भी दिल्ली में जाकर पर भी करनी चाहिए, कांग्रेस सरकार लगातार इस पर काम कर रही है ।उन्होंने कहा कि हिमाचल की सरकार ने अपने संसाधनों से 4500 करोड रुपये का पैकेज घोषित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 16000 घरों को नुकसान हुआ है, 3500 घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं 7 लख रुपए पूरी तरह नष्ट हुए घर के निर्माण के लिए दिया जा रहा है जिसका आवंटन शुरू कर दिया गया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार वचनबद्ध है, राहत कार्यों के लिए हम पूरी ताकत लगाकर लोगों को राहत भी देंगे और प्रदेश को आगे भी बढ़ाएंगे। भाजपा केवल चुनावी राजनीति कर रही उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा के हिमाचल नेताओं पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता केवल चुनावी राजनीति के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को ना तो हिमाचल की जनता से कोई लेना देना है, ना ही आपदा से हुए नुकसान से कोई लेना-देना है ।भाजपा के नेता सिर्फ लोकसभा के चुनाव को लेकर राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं ।उन्होंने कहा कि लोकसभा का चुनाव जब आएगा तब देखा तब देखा जाएगा,कौन जीतेगा? क्या होगा? यह समय बताएगा लेकिन इस समय हिमाचल की मदद करने की जरूरत है, दुख का विषय है कि भाजपा के नेता हिमाचल के साथ नहीं है और भाजपा के नेताओं ने विधानसभा के अंदर भी आपदा राष्ट्रीय घोषित हो इसका समर्थन नहीं किया। बीजेपी हिमाचल को कर्जदार बना करके गई उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को कर्जदार बनाने का काम बीजेपी ने किया है। देनदारियां करोड़ों रुपये की छोड़कर गई है, लगातार प्रदेश को आर्थिक रूप से कमजोर करने का काम बीजेपी की सरकार ने किया। उन्होंने कहा कि अब भाजपा के नेता कभी हलफनामा देने की बात करते हैं, कभी कोई दिक्कत नहीं है आर्थिक ऐसी बात करते हैं, मुकेश ने कहा कि लेकिन हिमाचल को मिला कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रदेश की जनता प्रदेश को कर्ज में डुबोने के लिए भाजपा को माफ नहीं करेगी। नशे पर जीरो टॉलरेंस, नशा मुक्त हिमाचल करना है प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ड्रग पर जीरो टॉलरेंस है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त हिमाचल करना है ।इस लक्ष्य को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर घर को इसमें सहयोग करना होगा ,हर नौजवान को सहयोग करना होगा ,जो भी ताकते नशे की दलदल में युवाओं को फंसा रही है। उन सबको बेनकाब करना होगा ।उन्होंने कहा कि आज हर घर को खड़ा होना होगा, समाज को तभी दुरुस्त किया जा सकता है ,स्वस्थ किया जा सकता है। नशा कलंक है इस कलंक को हर व्यक्ति को आगे जाकर मिटाना होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस को हर ताकत दी हुई है चीट्टा व ड्रग को मसल दिया जाए, कमर तोड़ दी जाए, ऐसे लोगों के साथ कोई सहानुभूति नहीं है।
-पंचायत समिति सदस्य प्रशिक्षण वर्ग में बोले पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष -कहा, केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाए कार्यकर्ता, कोई भी न रह जाए अछूता शिमला : नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि देश के लोकतंत्र में पंचायत की इकाई सबसे महत्वपूर्ण है। पंचायत स्तर पर कार्यकर्ता एक-एक व्यक्ति से जुड़े और लोगों को केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री द्वारा चलाई जा रही जनहित की योजनाओं के बारे में बताए। हर लाभार्थी तक केंद्र की योजनाएं पहुंचे, यह भी सुनिश्चित करना कार्यकर्ता की ज़िम्मेदारी है। जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा समाज के हर वर्ग के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिससे देश के हर वर्ग का समुचित विकास हो सके। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गई है। सरकार बने एक साल होने को है और अब तक एक भी वादा पूरा नहीं कर पाई है। प्रदेश में विकास के सारे कार्य ठप पड़े हैं। वह शिमला के ठियोग में पंचायत समिति सदस्य के प्रशिक्षण वर्ग में बोल रहे थे। जयराम ठाकुर ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी का आधार होते हैं। बीजेपी आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी है। बीजेपी में सबसे ज़्यादा कार्यकर्ता हैं। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास रखने वाली भारतीय जनता पार्टी में हर कार्यकर्ता को शीर्ष पर पहुंचने का अवसर मिलता है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पूर्ण समर्पण और अनुशासन के साथ जन-जन से जुड़कर पार्टी को मज़बूत करने के लिए काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हर बूथ और हर पंचायत से बीजेपी को मज़बूत बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मज़बूत करना है। जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में हर क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। जय जवान, जय किसान और जय विज्ञान के आदर्शों के साथ भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। किसानों को कृषि कार्यों के लिए उर्वरकों की कमी न हो इसलिए प्रधानमंत्री ने उर्वरकों पर 22 हज़ार करोड़ रुपये से ज़्यादा की सब्सिडी दी है। इसके अलावा किसानों को 'किसान सम्मान निधिÓ, ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास, आयुष्मान, स्वच्छ भारत मिशन, जैसी दर्जनों जनहित की योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिल रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वर्तमान की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर नाकाम है। चुनाव जीतने के लिए प्रदेश के लोगों से झूठ बोला। सरकार बन जाने के बाद एक भी वादे को पूरा नहीं किया। चुनाव के समय हर नेता कांग्रेस की दस गारंटियों की बात करते थे लेकिन सरकार बन जाने के बाद सभी नेता गारंटियों का नाम ही नहीं ले रहे हैं। वह भूल गए हैं कि इस तरह से काम नहीं चलेगा। प्रदेश के लोग लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के इस झूठ का जवाब देने के लिए तैयार है।
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की मुख्य आकर्षण भगवान नरसिंह की चौथी भव्य जलेब आज पूरे लाव लश्कर व गाजे-बाजे के साथ निकली। ढालपुर स्थित दशहरा मैदान में राजा की चाननी से शुरू हुई जलेब में बाह्य सराज के देवताओं ने भाग लिया। शाम करीब 4 बजे शुरू हुई जलेब उपायुक्त कार्यालय कुल्लू से होकर जिला अस्पताल और कलाकेंद्र होकर शाही अंदाज में ढालपुर से वापस अपने स्थान पर पहुंची। अलौकिक, अदभुत व भव्य जेलब में जिला कुल्लू के बाह्य सराज आनी के देवताओं ने भाग लेते हुए जलेब को आकर्षक बनाया। ढोल-नगाड़ों, करनाल, नरसिंगों व शहनाई की स्वरलहरियों की धुनों के साथ देवता के कारकूनों, हरियानों तथा देवलुओं ने देव रथों के संग नृत्य किया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं व युवतियां भी शामिल रहीं। जलेब यात्रा में सबसे आगे भगवान नरसिंह की घोड़ी, उसके पीछे देवता और साथ में भगवान रघुनाथ के मुख्य छड़ीबरदार महेश्वर सिंह पालकी में सवार होकर आगे बढ़े। जलेब में सोने-चांदी के मुख मोहरों से सजे अधिष्ठाता खुडीजल, व्यास ऋषि, कोट पझारी, टकरासी नाग, चोतरू नाग व बिशलूनाग ने भाग लिया। जलेब के अलौकिक नजारे को देखने के लिए भवनों की छतों व रास्तों में लोगों व पर्यटकों के कदम ठहर गए। दशहरा उत्सव की अंतिम जलेब छठे दिन मोहल्ला पर्व के बाद निकलेगी। देवता खुडीजल के कारदार शेर सिंह, व्यास ऋषि के कारदार इंद्र सिंह, देवता कोट पझारी के कारदार भागे राम राणा तथा टकरासी नाग के कारदार अमर सिंह व पुजारी पूर्ण शर्मा ने कहा कि देवता सैकड़ों सालों से जलेब में भाग लेकर परंपरा को निभा रहे हैं।
कांगड़ा जिले में आपदा प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के तहत 45 सूचीबद्व पुनरुद्धार कार्यों के लिए 185 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। यह जानकारी उपायुक्त डा निपुण जिंदल ने देते हुए बताया कि मानसून सीजन में भारी बारिश के कारण आपदा आने पर सरकार ने पंचायतों-गांवों में अधिक से अधिक पुनरुद्धार कार्य मनरेगा के तहत करने के निर्देश दिए थे ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को पुन: विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला की 15 विकास खंडों में आपदा से प्रभावित 13350 कार्यों की सूची भेजी गई थी जिसे स्वीकृति प्रदान की गई है। इंदौर ब्लॉक में 1158 कार्यों के लिए 39.50 करोड़ रूपये स्वीकृत किए गए हैं इसी तरह से प्रागपुर ब्लॉक में 22 पंचायत में 124 कार्य स्वीकृत किए गए हैं जिस पर 2 करोड रुपए खर्च किया जाएगा। लंबागांव ब्लॉक में 127 पंचायत में 260 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 21 करोड़ के रुपए के करीब व्यय की जाएगा। बैजनाथ ब्लॉक में 76 पंचायत में 1000 कार्य मनरेगा के तहत स्वीकृत किए गए हैं इस पर 7 करोड़ 23 लाख के आसपास राशि खर्च की जाएगी। फतेहपुर ब्लाक में 1123 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 11 करोड रुपए स्वीकृत किए गए हैं। नगरोटा बगबां ब्लॉक में 49 पंचायत में 680 कार्य स्वीकृत किए गए हैं 7 करोड़ के करीब खर्च किया जाएगा इस तरह से रैत ब्लॉक में 55 पंचायत के लिए 923 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 1298 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी सुलह ब्लॉक 1218 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 17 करोड़ की अनुमानित राशि खर्च की जाएगी नगरोटा सूरियां ब्लॉक में 21 पंचायत में 64 कार्य स्वीकृत किए गए हैं 87 लाख की राशि व्यय की जाएगी। कांगड़ा ब्लॉक में 81 पंचायत के लिए 1204 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 22 करोड़ 59 लाख की राशि व्यय की जाएगी पंचरूखी ब्लाक में 70 पंचायत में 1154 कार्य स्वीकृत किए गए हैं 13 करोड़ 65 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। बड़ोह ब्लॉक में 17 पंचायत में 45 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 65 लाख की राशि स्वीकृत की जाएगी। भवारना ब्लॉक में 747 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर करीब 8 करोड़ 52 लाख की राशि व्यय की जाएगी देहरा ब्लॉक 1741 कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 15 करोड़ की राशि व्यय की जाएगी धर्मशाला ब्लॉक की 14 पंचायत के लिए सौ विभिन्न कार्य स्वीकृत किए गए हैं इस पर 2 करोड़ 34 लाख की राशि व्यय की जाएगी। ग्रामीण स्तर पर पुनरुद्धार कार्यों को तेजी से करें पूरा उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर मनरेगा के तहत स्वीकृत पुनरुद्धार कार्यों को तेजी से पूरा करें ताकि प्रभावितों को सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि डीआरडीए के परियोजना अधिकारी को निर्देश दिए कि वे हर 15 दिन में मनरेगा में पुनरुद्धार कार्यों को लेकर समीक्षा करें। मनरेगा मस्टरोल, सामान खरीद जैसी व्यवहारिक समस्याओं के समाधान के लिए भी कार्य करें ताकि मनरेगा के कार्यों में किसी भी तरह का बिलंव नहीं हो।
-केंद्रीय मंत्री ने कहा, हिमाचल में कांग्रेस भी फेल और गारंटियां भी फेल हमीरपुर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को हमीरपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राजस्थान में कांग्रेस की महिलाओं को सालाना दस हजार रुपये देने की गारंटी के सवाल के जवाब में कहा कि जितनी झूठी कांग्रेस है, उतनी ही झूठी इसकी गारंटियां हैं। इसलिए कांग्रेस भी फेल और उसकी गारंटियां भी फेल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में जो गारंटियां दी थीं, वे भी फेल हो गई हैं। 10 महीने प्रदेश में कांग्रेस सरकार बने हुए हो गए हैं। अभी तक प्रदेश की बहनें इंतजार कर रही हैं कि कब 1500-1500 रुपये उनके खाते में आएंगे। दूसरी गारंटी कांग्रेस ने दी थी कि वह दो रुपए किलो गोबर खरीदेंगे पर नहीं खरीदा। प्रदेश में कांग्रेस ने बिजली के बिल माफ करने की बात कही थी अब वही बिल बढ़कर आ रहे हैं। पिछली सरकार में जो पानी के बिल माफ हुए थे, अब वह बिल भी कांग्रेस सरकार ने देना शुरू कर दिए हैं। राजस्थान व छत्तीसगढ़ में भी कहा था कि सबके कर्ज माफ करेंगे, लेकिन नहीं किया। हिमाचल में भी जब इन्होंने पिछली सरकार बनाई थी तब कहा था कि हर घर से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देंगे और बेरोजगारी भत्ते देंगे, लेकिन वह भी नहीं दिया था। अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश के दो राज्यों के मुख्यमंत्री के कार्यालय में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ और राजस्थान शामिल हैं। लेकिन कार्रवाई होने पर केंद्र सरकार पर इल्जाम लगाया जाता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में खुद कांग्रेस के लोगों के द्वारा लाल डायरी का जिक्र किया जाता है, लेकिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत उस पर कोई भी टिप्पणी नहीं करते हैं। टीएमसी सांसद महुआ के भाजपा पर की जा रही बयानबाजी पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि संसदीय आचार समिति के द्वारा जब किसी को तलब किया जाता है तो उसको अपना बयान दर्ज करवाने जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह देश की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है और इसमें कोई भी कोताही नहीं बरती जाएगी। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते नशे पर चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए ताकि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखा जा सके।
-शूलिनी विश्वविद्यालय में हुआ पहला राष्ट्रीय मार्वल मीडिया उत्सव स्कूल ऑफ मीडिया एंड कम्युनिकेशंस, शूलिनी यूनिवर्सिटी ने अपने पहले राष्ट्रीय मार्वल मीडिया फेस्ट-2023 की सफलतापूर्वक मेजबानी की, जो शनिवार को संपन्न हुआ। दो दिवसीय कार्यक्रम में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई संस्थानों ने भाग लिया और मीडिया के क्षेत्र में विविध प्रतिभाएं एक साथ आईं और चंडीगढ़ विश्वविद्यालय ने समग्र विजेता के रूप में रनिंग ट्रॉफी हासिल की। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, चितकारा विश्वविद्यालय, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय (जीएनडीयू) और शूलिनी विश्वविद्यालय सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों ने छात्रों के कौशल और रचनात्मकता को प्रदर्शित करने के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लिया। छात्रों ने फोटोग्राफी, एंकरिंग, डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माण, विज्ञापन, फोटो कैप्शनिंग, क्विज, मोबाइल पत्रकारिता, रेडियो जॉकींग, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्किट परफॉर्मेंस, डिजिटल आर्ट और पोस्टर डिजाइन जैसे कई प्रतिस्पर्धाओं में भाग लिया। मीडिया उत्सव शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रोफेसर पी के खोसला के एक संबोधन के साथ शुरू हुआ, जिसमें समाज में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया गया। प्रो. चांसलर विशाल आनंद ने कहा कि शूलिनी विश्वविद्यालय में पहले राष्ट्रीय मार्वल मीडिया फेस्ट के उद्घाटन ने मीडिया और संचार के क्षेत्र में रचनात्मकता और उत्कृष्टता को बढ़ावा देते हुए भविष्य के कार्यक्रमों के लिए एक उच्च मानक स्थापित किया है। विशेष आमंत्रित सदस्य, शूलिनी विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय मामलों के मुख्य सलाहकार, संजीव अरोड़ा ने छात्रों को मीडिया पेशे में ईमानदारी और कड़ी मेहनत के मूल्यों को बनाए रखने और क्षेत्र में प्रतिष्ठित पदों के लिए प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया। हिमाचल लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष, अनुभवी पत्रकार के एस तोमर मुख्य अतिथि थे, और धारावाहिक उद्यमी और लेखक कुणाल नंदवानी समापन कार्यक्रम के सम्माननीय अतिथि थे। केएस तोमर ने उभरते पत्रकारों के लिए दृढ़ता, प्रतिबद्धता और मिलनसार भावना सहित आवश्यक गुणों पर प्रकाश डालते हुए मूल्यवान अंतर्दृष्टि साझा की। उन्होंने स्रोतों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया और अहंकार को पत्रकारिता में सफलता में बाधा बताते हुए इस से दूर रहने की सलाह दी। स्कूल ऑफ मीडिया एंड कम्युनिकेशन के निदेशक प्रो.विपिन पब्बी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। पूरे परिसर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन बाहरी न्यायाधीशों शाश्वत कौशल, मिशा बाजवा चौधरी, ललित शर्मा, विवेक मोहन, नेहा शर्मा, जोशुआ कंवर, विवेक अत्रे, शिखा सूद, अमित रे, अविन शर्मा और कुणाल नंदवानी के पैनल द्वारा किया गया। और शूलिनी विश्वविद्यालय के निर्णायक आशू खोसला, नीरज कुमार, निष्ठा आनंद, इंदु नेगी और अंकुर बशर थे। शूलिनी विश्वविद्यालय में नवाचार और प्रौद्योगिकी के अध्यक्ष आशीष खोसला ने सफलता के लिए तैयारी के महत्व पर जोर दिया, जबकि सम्मानित अतिथि कुणाल नंदवानी ने निष्ठा आनंद के साथ एक आकर्षक फायरसाइड चैट के दौरान एआई और ऑटोमेशन की विकसित दुनिया में मूल्यवान अंतर्दृष्टि प्रदान की। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ऐड मैड, मोजो, थिएट्रिकल एक्ट, रेडियो जॉकी, क्विज़, स्क्रिप्ट द पिक्चर और बैंग बैंग फोटो कैप्शन, डिजिटल आर्ट और पोस्टर मेकिंग सहित कई कार्यक्रमों में विजेता बनी। शूलिनी यूनिवर्सिटी ने डॉक्यूमेंट्री में पहला स्थान हासिल किया, जीएनडीयू ने एंकरिंग में और चितकारा यूनिवर्सिटी ने फोटोग्राफी और स्टैंड अप कॉमेडी में जीत हासिल की। कार्यक्रम का समापन शूलिनी विश्वविद्यालय की ट्रस्टी और निदेशक श्रीमती निष्ठा शुक्ला आनंद के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, जिन्होंने मार्वल मीडिया फेस्ट को शानदार सफलता दिलाने वाले सभी प्रतिभागियों, समन्वयकों और योगदानकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और छात्रों को लाभ के लिए ऐसे व्यावहारिक ज्ञान कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
जिला सिरमौर के विद्युत मंडल राजगढ़ के तहत पड़ने वाले क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। सहायक अभियंता विद्युत मंडल राजगढ़ आदर्श वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 33 केवी उप केंद्र राजगढ़, खेरी, चाड़ना और पनोग में 33केवी और 11 केवी लाइनों की मरम्मत व जरूरी रख-रखाव के चलते राजगढ़, खेरी, भल्टा माछेर, बडूसाहिब, हाब्बन, दीदग, मरयोग, चाड़ना, नोहराधार, बोगधार, पनोग, हरिपुरधार, रोनहाट, कुपवी आदि स्थानों पर 31 अक्तूबर को सुबह 9 बजे से सायं 6 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन चरित हमें सत्य एवं परिश्रम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। डॉ. शांडिल आज सोलन के धोबीघाट में महर्षि वाल्मीकि सुधार समिति द्वारा आयोजित ध्वजारोहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर महर्षि वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना कर सभी के सुख और समृद्धि की कामना की। डॉ. शांडिल ने सभी को महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण जैसी कालजयी कृति की रचना कर विश्व को अनुपम भेंट दी। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने समस्त मानव जाति को सत्य का मार्ग अपनाकर ईश्वर प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हम सभी को महर्षि वाल्मीकि का सन्देश जीवन में अपनाना चाहिए और यह प्रयास करना चाहिए कि हमारे कार्यों से जन-जन का कल्याण सुनिश्चित हो। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि क्षेत्र में शीघ्र ही एंबुलेंस मार्ग का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने सामुदायिक भवन के अतिरिक्त निर्माण कार्य के लिए 3 लाख प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि सुधार समिति को अपनी एच्छिक निधि से 11,000 रुपये प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर अवगत करवाया गया कि धोबीघाट के 43 आवासों में नगर निगम द्वारा बिजली के मीटर लगाऐ जाएंगे। जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षद गण सरदार सिंह ठाकुर, संगीता ठाकुर, पूजा, मनोनीत पार्षद रजत थापा, विजय ठाकुर, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, खंड कांग्रेस समिति सोलन के महासचिव लोकेंद्र शर्मा एवं कुनाल सूद, अजय कंवर, संधीरा दुल्टा, महर्षि वाल्मीकि सुधार समिति के अध्यक्ष सोहन वीर, उपमण्डलाधिकरी सोलन कविता ठाकुर, अन्य अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
-निगम के प्रबंध निदेशक बोले, केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए समुचित प्रबंध सोलन जिला में स्थापित सभी धान खरीद केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए समुचित प्रबंध किए गए हैं। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक राजेश्वर गोयल ने गत सायं सोलन जिला के नालागढ़ उपमंडल के मलपुर एवं नालागढ़ धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण करने के उपरांत दी। राजेश्वर गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि किसानों को अपनी धान की फसल विक्रय करने के लिए किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि किसानों से खरीदे गए धान की अदायगी सीधा किसानों के खाते में 48 घंटे के भीतर की जा रही है। अभी तक सोलन ज़िला के धान खरीद केंद्रों में 2820 मीट्रिक टन धान की खरीद निगम द्वारा की गई है। प्रबंध निदेशक ने मलपुर एवं नालागढ़ धान खरीद केंद्रों में खरीद व्यवस्था का जायज़ा लिया और उपस्थित किसानों से बातचीत की। राजेश्वर गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की विभिन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने इस अवसर पर कृषि उपज विपणन समिति एवं कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि समिति एवं विभाग द्वारा किसानों की सुविधा के लिए सराहनीय प्रयास किए गए हैं। उन्होंने इस अवसर पर निर्देश दिए कि धान की खरीद के उपरान्त उससे चावल बनाने की प्रक्रिया में तेज़ी लाई जाए। राजेश्वर गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार धान से चावल बनाने के उपरान्त उसे फोर्टीफाई किया जा रहा है ताकि लोगों को चावल में निर्धारित पोषक तत्व मिलाकर उपलब्ध करवाए जा सकें। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक राजेश्वर गोयल ने धान केंद्रों में उपस्थित किसानों से धान खरीद के सम्बन्ध में फीडबैक प्राप्त की। किसानों ने खरीद पर संतोष व्यक्त किया और सरकार के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर सोलन क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक वीरेंद्र कुमार आजाद एवं निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जोगिंदर नगर उप मंडल के सनातन धर्म सभा मंदिर में शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव जीवन ठाकुर व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ को लेकर हवन का आयोजन किया गया। पंडित मुकेश जगुड़ी द्वारा मंत्रोच्चारण कर हवन करवाया गया। इस अवसर पर वार्ड 5 के पार्षद प्यार चंद ठाकुर, जिला महासचिव रंजन शर्मा, महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष ममता कपूर, अनीता ठाकुर, मनोनीत पार्षद प्रशांत, नौहली पंचायत प्रधान रामलाल, संजय कुमार, राजेश कुमार, पीतांबर व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
-साक्षी ने आईसीएआर की परीक्षा में पहला तो मिताली बनी वैज्ञानिक डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के सिल्विकल्चर और एग्रोफोरेस्ट्री विभाग से एमएससी उत्तीर्ण कर चुकी छात्रा साक्षी तोमर ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा वानिकी के विषय के लिए आयोजित आईसीएआर-एआईसीई-जेआरएफ/एसआरएफ-2023 परीक्षा में देश भर में शीर्ष रैंक हासिल किया है। इसके अतिरिक्त साक्षी ने वानिकी में पीएचडी कार्यक्रम में प्रवेश के लिए यूपी राज्य पात्रता परीक्षा में भी पहला स्थान हासिल किया है। साक्षी ने सिल्विकल्चर और एग्रोफोरेस्ट्री विभाग के प्रोफेसर और विभाग अध्यक्ष डॉ. डीआर भारद्वाज की मागदर्शन में अपनी मास्टर डिग्री पूरी की है। इसी विभाग की पीएचडी छात्रा मिताली मेहता को भारतीय वानिकी अनुसंधान और शिक्षा परिषद (आईसीएफआरई), देहरादून में वैज्ञानिक-बी के पद पर चयन हुआ है। मिताली को असम के जोरहाट स्थित रेन फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट में नियुक्ति मिली है। मिताली ने नौणी से बीएससी और पीएचडी की डिग्री पूरी की है। मिताली ने डॉक्टरेट की पढ़ाई डॉ. केएस पंत के मार्गदर्शन में पूरी हुई। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल, वानिकी महाविद्यालय के डीन डॉ. सीएल ठाकुर और एसएएफ विभाग के वैज्ञानिकों और छात्रों ने साक्षी और मिताली को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
-17 आईटीआई में आधुनिक व प्रासंगिक व्यवसायों की 19 इकाइयां शुरू -विभिन्न औद्योगिक इकाईयों में 2069 प्रशिक्षणार्थियों को मिला रोजगार बदलते परिवेश के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी बदलाव आया है। सूचना प्रौद्योगिकी के बढ़ते उपयोग से इस क्षेत्र से संबंधित नए पाठ्यक्रम शुरू करना समय की मांग है। वर्तमान प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में अत्याधुनिक पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री का मानना है कि आधुनिक व भविष्योन्मुखी विषयों से संबंधित शिक्षा से युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने में मदद मिलेगी और उनकी ऊर्जा का भी बेहतर दोहन किया जा सकता है। इंटरनेट ऑफ थिंग्स, मैक्ट्रोनिक्स, सौर टैक्निशियन तथा इलैक्ट्रिक व्हीकल मैकेनिक जैसे नए क्षेत्रों में रोजगार व स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश सरकार इन क्षेत्रों में युवाओं को शिक्षित व प्रशिक्षित करने के लिए विशेष प्रोत्साहन प्रदान कर रही है। इसी का परिणाम है कि वर्ष 2023-24 के दौरान राज्य के 17 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में आधुनिक प्रासंगिक व्यवसायों की 19 इकाइयां शुरू की गई हैं। इनमें आईटीआई रैल, ऊना, पालमपुर, शाहपुर और नगरोटा बगवां में इंटरनेट ऑफ थिंग्स टैक्निशियन (स्मार्ट सिटी) विषय शुरू किया गया है। इसी प्रकार आईटीआई रैल, पंडोगा, नाहन, गरनोटा और प्रगतिनगर में मैकेनिक इलैक्ट्रिकल व्हीकल, आईटीआई घुमारवीं एवं अर्की में फाइबर टू होम टैक्निशियन, आईटीआई सुन्नी व शाहपुर में टैक्निशियन मैट्रोनिक्स, आईटीआई जुब्बल, सुन्दरनगर (पीडब्ल्यूडी), शमशी और बालकरूपी में सौर टैक्निशियन (इलैक्ट्रिकल) तथा आईटीआई नालागढ़ में मैंटेनेंस मैकेनिक (रसायनिक संयंत्र) की इकाइयां शुरू की गई हैं। प्रदेश सरकार हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। इसके लिए विद्युत चालित वाहनों के अधिकाधिक उपयोग तथा सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए युवाओं को प्रोत्साहन प्रदान किया जा रहा है। इस तरह के नए पाठ्यक्रम शुरू होने से इन क्षेत्रों में विशेषज्ञ व प्रशिक्षित मानव संसाधन प्रदेश में ही उपलब्ध हो सकेगा। महाविद्यालय स्तर पर भी नए पाठ्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। राजकीय हाईड्रो इंजीनियरिंग महाविद्यालय बंदला में कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डाटा साइंस), राजकीय बहुतकनीकी संस्थान रोहड़ू में कंप्यूटर इंजीनियंरिग एवं आइईओटी डिप्लोमा कोर्स तथा राजकीय बहुतकनीकी संस्थान चम्बा में मैक्ट्रोनिक्स डिप्लोमा कोर्स शैक्षणिक सत्र 2023-24 से आरंभ कर दिए गए हैं। इनमें लगभग शत-प्रतिशत प्रवेश दर्ज हुआ है। इसके अतिरिक्त अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज प्रगतिनगर में इलैक्ट्रॉनिक्स एवं कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग का डिप्लोमा कोर्स इसी शैक्षणिक सत्र से आरंभ किया गया है। युवाओं के सर्वांगीण विकास के दृष्टिगत विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएं भी सफलतापूर्वक क्रियान्वित की जा रही हैं। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों के साथ मिलकर उन्हें शैक्षणिक आदान-प्रदान का अवसर भी प्रदान किया जा रहा है। राजकीय बहुतकनीकी संस्थानों के 38 बच्चों तथा इंजीनियरिंग कॉलेजों व बहुतकनीकी संस्थानों के 20 संकाय को आईआईटी मंडी में एक सप्ताह का रोबोटिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के 20 संकाय को सेमीकंडक्टर इको सिस्टम के लिए आईआईटी रोपड़ एवं दिल्ली भेजा गया है। राजकीय बहुतकनीकी एवं इंजीनियरिंग के 10 संकाय एवं 10 छात्र-छात्राओं को भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ऊना में पांच दिन के मशीन लर्निंग एवं एप्लीकेशन में आधुनिक विकास कोर्स के लिए भेजा गया। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत 44 प्रशिक्षुओं को नियुक्ति किया गया है। पाठ्यक्रम पूरा होने के उपरांत युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल के दौरान सभी सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों, फार्मेसी महाविद्यालयों, बहुतकनीकी और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से लगभग 2069 प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न औद्योगिक इकाईयों में रोजगार मेले, कैंपस साक्षात्कार व संयुक्त कैंपस साक्षात्कार के माध्यम से रोजगार उपलब्ध करवाए गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि प्रदेश के युवा ऊर्जा एवं उत्साह से भरपूर हैं और उन्हें भविष्योन्मुखी पाठ्यक्रमों से जोड़ते हुए पारंगत करने की आवश्यकता है। इससे वे स्वयं तो रोजगार व स्वरोजगार प्राप्त कर ही सकते हैं, वहीं प्रदेश के तीव्र विकास में भी अपना उल्लेखनीय योगदान देने की लिए सक्षम बन सकेंगे।
उप मंडल स्तरीय 31वीं बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चनौर में हुआ, जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नलसूहा के आठवीं कक्षा के छात्र वैभव शर्मा ने जूनियर मैथ ओलंपियाड में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय पहुंचने पर वैभव शर्मा का प्रधानाचार्य व अन्य सभी अध्यापकों ने जोरदार स्वागत किया। प्रधानाचार्या विपन शर्मा ने बताया कि अब वैभव शर्मा देहरा उपमंडल की तरफ से जिला विज्ञान कांग्रेस में भाग लेंगे। वैभव शर्मा ने इस कामयाबी का श्रेय प्रधानाचार्य विपन शर्मा, सभी अध्यापकों व विशेषकर विषय अध्यापक संदीप कुमार को दिया।
-सैंट ल्यूक्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन ने मनाया वार्षिक समारोह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि विकसित राष्ट्र के लिए युवाओं का उचित रूप से शिक्षित होना आवश्यक है। डॉ. शांडिल गत सांय सैंट ल्यूक्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन के वार्षिक समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर सोलन के शहीद कैप्टन संजय चौहान की माता निर्मला चौहान को सम्मानित भी किया। डॉ. शांडिल ने कहा कि शिक्षा हमें प्रत्येक परिस्थिति में धैर्य के साथ आगे बढ़ना सिखाती है। उन्होंने कहा कि महान दार्शनिक अरस्तू ने शिक्षा के विषय में कहा था कि 'विद्या अच्छे दिनों का गहना और बुरे दिनों का सहारा है।Ó उन्होंने कहा कि शिक्षा प्राप्त करने का मुख्य उद्देश्य भी यही है कि शिक्षा के माध्यम से भविष्य को सुरक्षित रखते हुए कठिन समय में अपने लक्ष्य की और निरन्तर आगे बढ़ा जाए। उन्होंने कहा कि छात्रों के जीवन को आकार देने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अध्यापकों को छात्रों के उत्थान के लिए सदैव प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सैंट ल्यूक्स सीनियर सैकेंडरी स्कूल सोलन को देश-विदेश में अच्छी शिक्षा के लिए जाना जाता है। उन्होंने शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के लिए विद्यालय प्रबन्धन एवं छात्रों को बधाई दी। उन्होंने आशा जताई कि विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार छात्रों को बेहतर नागरिक बनाने की दिशा में कार्यरत रहेगा। नशे से सदैव दूर रहें छात्र डॉ. शांडिल ने छात्रों से आग्रह किया कि नशे से सदैव दूर रहें। उन्होंने इस अवसर पर अपने सैन्य जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए आशा जताई कि युवा भारतीय सेना की गौरवशाली परम्परा को सदैव स्मरण रखेंगे। स्वास्थ्य मन्त्री ने इस अवसर पर सैंट ल्यूक्स सीनियर सैकेंडरी स्कूल सोलन के भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त मार्ग के निर्माण के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 3 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित भी किया। विद्यालय के छात्रों द्वारा इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षद गण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अंकुश सूद, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के महासचिव लोकेंद्र शर्मा एवं कुनाल सूद, रोगी कल्याण समिति के सदस्य विनीश धीर, साहिल शर्मा, संधीरा दुल्टा, सैंट ल्यूक्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन के प्रबंधक फादर पी. सहायराज, प्रधानाचार्य सिस्टर लवीना पिंटो, अन्य गणमान्य व्यक्ति, अध्यापक तथा छात्र उपस्थित थे।
देश भर में आज महाकाव्य रामायण के रचनाकार महर्षि वाल्मीकि की जयंती मनाई जा रही है। डाडा सीबा में भी व्यापारियों द्वारा महर्षि वाल्मीकि का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर व्यापारियों द्वारा प्रसाद बांटा गया। इस दिन देश भर में कई सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और महर्षि वाल्मीकि के जीवन से जुड़ी बातों को लोगों तक पहुंचाया जाता है। इस मौके पर डाडा सीबा व्यापार मंडल के प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा, पूर्व प्रधान अशोक मेहरा, पूर्व प्रधान धर्मचंद, गुरबचन सिंह, राकेश कुमार, सनी, बलवीर सिंह, कमल कुमार मेहरा, संजीव कुमार मुन्नू, जसवीर सिंह, मनोहर लाल व रतन चंद आदि उपस्थित रहे।
दो लोग झुलस गए, देवी-देवताओं के वाद्य यंत्र जलकर राख अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में ढालपुर के दशहरा मैदान में देवी-देवताओं के अस्थायी शिविरों में आग लगने अफरा-तफरी मच है। आग की घटना में कई देवताओं के टेंट जल गए। इसके कई दुकानें भी आग की भेंट चढ़ गई। शुक्रवार देर रात करीब दो से तीन बजे के बीच भड़की आग से पूरे ढालपुर में अफरातफरी का माहौल रहा। आग कैसे लगी इसका खुलासा नहीं हुआ है। सूचना के बाद मौके पर अग्निशमन विभाग पहुंचा और आग पर काबू पाया गया। मगर देवलुओं ने देवताओं को बाहर सुरक्षित निकाल दिया था। आग की इस घटना में एक गाड़ी के भी जलने की सूचना है। आग की घटना में 13 देवताओं के टेंट और पांच दुकानें जल गई हैं। दो लोग भी झुलस गए हैं। आग में देवी देवताओं के वाद्य यंत्र जलकर राख हो गए हैं।
महंगे प्रीमियम पर बीमा कराने में असमर्थ लोगों के लिए भारतीय डाक विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस से अनुबंध कर ग्रुप पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस पॉलिसी लांच की है। इस योजना के तहत सिर्फ 396/399 रुपये के प्रीमियम पर 10 लाख का एक्सीडेंट कवरेज दिया जाएगा। इस पॉलिसी का लाभ उठाने के लिए बीमित का भारतीय डाक पेंमेंट बैंक में सेविंग अकाउंट होना जरूरी है। यदि किसी के पास खाता नहीं है तो वह नजदीकी पोस्ट ऑफिस में जाकर तत्काल इस बीमा योजना का लाभ ले सकते हैं। 18 से 65 साल आयु वर्ग के लोग इस योजना से लाभान्वित हो सकते हैं। इसके लिए डाकर्मियों और उनके कर्मचारियों के द्वारा जनता बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रत्येक डाकघरों में अभियान शुरू किया गया, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस योजना को जानकर लाभान्वित हो सके। संभागीय डाक अधीक्षक के अनुसार इस योजना के तहत व्यक्ति के सभी प्रकार की दुर्घटनावश मृत्यु सड़क, आग, बिजली गिरना, करेंट, सर्पदंश, फिसल कर गिना आदि दुर्घटना शामिल है। इनमें संबंधित बीमित व्यवक्ति योजना का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही पूर्ण विकलांगता या स्थाई आंशिक विकलांगता या फिर लकवाग्रस्त होने पर 10 लाख रुपये का कवर प्रदान किया जाता है। अस्पताल में भर्ती होने पर 60 हजार रुपये तक और एक्सीडेंटल ओपीडी के मामले में 30 हजार रुपये तक क्लेम और बीमा करने वाले व्यक्ति की मृत्यु होने पर पांच हजार रुपये अंतिम संस्कार के लिए प्रदान किया जाता है। इतना ही नहीं यह योजना राशि के 10 प्रतिशत या एक लाख रुपये के बच्चों के शिक्षा बोनस कवर के माध्यम से दो बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने का लाभ भी देती है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छोग टाली के पांच विद्यार्थियों ने 25 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फागु में आयोजित हुई राजगढ़ खंड की उप मंडलीय बाल विज्ञान कांग्रेस की विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। इस विद्यालय की छात्रा कनिका व आरुषि ने प्रश्नोत्तरी के वरिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान, क्षितिज ठाकुर ने इनोवेटिव विज्ञान मॉडल में द्वितीय स्थान, अश्विन ठाकुर ने गणित ओलंपियाड में तृतीय स्थान तथा लवीश ठाकुर ने विज्ञान क्रिया गतिविधियों में तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उत्कृष्ठ उपलब्धि के लिए इनके प्रशिक्षक गणित स्नातक सुरेश ठाकुर तथा विज्ञान शिक्षिका अलका भलेईक की भरपूर प्रशंसा करते हुए विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य सुरेेंद्र पुंडीर, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष देश राज ठाकुर, ग्राम पंचायत प्रधान अंजना ठाकुर, बीडीसी सदस्य कमलेश शर्मा, वरिष्ठ प्रवक्ता भूपेंद्र चौहान, रामानंद सागर, राजूराम शर्मा, रामलाल सूर्या, रामलाल ठाकुर, एकता धीमान, ललिता, दलीप शर्मा तथा मीरा वर्मा एवम राजेंद्र चौहान ने आशा व्यक्त की कि यह विद्यार्थी जिला तथा राज्य स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने में सफल होंगे।
-धोखा होने का एहसास होते ही लड़की ने शादी करने से कर दिया इनकार हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के विकास खंड लंबागांव के एक गांव में सेहरा बांधकर आए दूल्हे को बिना दुल्हन के बैरंग लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले लड़की का रिश्ता दूर के दूसरे गांव में तय हुआ था। रिश्ता तय होने पर लड़के वालों ने लड़के का बहुत बड़ा कारोबार होने की बात कही थी। इसी बीच लड़की वाले जब भी लड़के को देखने की बात करते तो लड़के वाले उसका बिजनेस के सिलसिले में बाहर होने की बात कह कर टाल देते। नतीजतन बरात पहुंचने तक लड़के वालों ने लड़की वालों को लड़का देखने ही नहीं दिया। लड़की के घर बरात पहुंचने पर जब लड़के को नहाने के लिए कहा गया, तब भी लड़के के पक्ष वाले उसकी तबीयत ठीक नहीं होने की बात कहते टाममटोल करने लगे। इससे लड़की के रिश्तेदारों और गांव वालों को कुछ शक होने लगा। देखते ही देखते लड़की वालों को इस बात का एहसास हो गया कि लड़का न तो बोल पा रहा है और न ही ठीक से खड़ा होकर चल पा रहा है। अब लड़की पक्ष को पूरा यकीन हो गया कि शादी के नाम पर उनके साथ धोखा हो रहा है। जब सारी बात का भेद शादी की रस्मों से पहले ही खुल गया तो लड़की वाले असमंजस में पड़ गए। इतने में जब लड़की को इस बात का पता चला तो उसने साहस दिखाते हुए शादी करने से इंकार कर दिया। लड़की के पिता सहित गांववासी और रिश्तेदार भी लड़की के निर्णय से सहमत हो गए। लड़के वालों को बरात वापस ले जाने के लिए कह दिया गया। थोड़ी बहुत बातचीत के बाद लड़के वाले भी बरात वापस ले जाने को सहमत हो गए। नतीजतन पंचायत सदस्यों को मौके पर बुलाया गया और उनके समझाने-बुझाने पर बरात बिना खाना खाए ही बिना दुल्हन के वापस लौट गई। लड़के के दिव्यांग होने पर लड़की सहित उसके परिजनों ने घर आई बरात को बिना दुल्हन के लौटा दिया। संबंधित पंचायत के उप प्रधान ने इसके बारे में बताया कि वह स्वयं वार्ड सदस्य के साथ मौके पर गए थे। उन्होंने कहा कि अगर यह शादी हो जाती तो लड़की उम्रभर के लिए बड़ी मुसीबत में घिर जाती। लड़की के परिजनों की ओर से लिए गए इस साहसिक निर्णय की हर जगह सराहना हो रही है।
मुख्यमंत्री नई दिल्ली एम्स में भर्ती, स्वास्थ्य स्थिति बेहतर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में कुछ परीक्षणों के लिए शुक्रवार सुबह नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती करवाया गया है। विभाग के डॉक्टरों की टीम ने उनके परीक्षण शुरू कर दिए हैं। इस प्रक्रिया में लगभग दो से तीन दिन लग सकते हैं। मुख्यमंत्री की सेहत पहले से बेहतर है, चिंता की कोई बात नहीं है। वह डॉक्टरों की टीम की निगरानी में हैं। मेडिकल बुलेटिन के अनुसार ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की रिपोर्ट सामान्य हैं। मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य स्थिर है। उन्हें उचित आराम की जरूरत है, जिससे वह और तेजी से ठीक होंगे। आईजीएमसी शिमला के डॉक्टरों की सलाह पर मुख्यमंत्री को एम्स में भर्ती करवाया गया है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला ऊना के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों की लोकसभा व विधानसभा निर्वाचनों में प्रयुक्त होने वाली फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का 1 जनवरी, 2024 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष पुनरीक्षण किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राघव शर्मा ने बताया कि जिला ऊना के प्रत्येक मतदान केंद्र पर तथा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि ये फोटोयुक्त मतदाता सूचियां 9 दिसम्बर तक संबंधित सभी कार्यालयों में निरीक्षण हेतू निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी। इसके अतिरिक्त 4, 5, 18 व 19 नवम्बर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। राघव शर्मा ने बताया कि इस दौरान सभी पात्र नागरिक जिनकी आयु 1 जनवरी, 2024 को 18 वर्ष पूर्ण होने जा रही है या इससे अधिक हो चुकी है, वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त मतदाता सूची की किसी प्रविष्टि की शुद्धि करवाने, मतदाता सूची से अपात्र/मृत व्यक्तियों के नाम हटाने या निर्वाचन क्षेत्र के एक मतदान केंद्र से दूसरे मतदान केंद पर नाम स्थानांतरित करवाने हेतू समूचित प्रारूप फार्म 6, 6क, 7 व 8 भरकर दावे/आक्षेप संबंधित अभिहित अधिकारियों/बूथ लेवल अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए जा सकते हैं। सभी प्राप्त दावों व आक्षेपों का निपटारा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा 26 दिसम्बर, 2023 तक सुनिश्चित करके 5 जनवरी, 2024 को फोटो मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि फोटोयुक्त मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए विभाग के कॉल सेंटर के निशुल्क टेलीफोन सेवा नं 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि विभागीय वेबसाइट पर फोटोयुक्त मतदाता सूचियों में अपने नाम दर्ज होने की पुष्टि की जा सकती है। इसके अलावा वोटर हेल्पलाइन मोबाइल ऐप वीएचए व राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल (एनवीएसपी) पर भी ई-रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध है जिसमें इंटरनेट के माध्यम से ऑनलाइन फार्म (नाम दर्ज करने, अपमार्जन हेतू तथा संशोधन से संबंधित )भरे जा सकते हैं। राघव शर्मा ने जिला के समस्त नागरिकों, स्थानीय राजनैतिक दलों, गैर सरकासरी स्वयंसेवी संगठनों, महिला मंडलों, युवा मंडलों से आहवान किया है कि वे 27 अक्तूबर, 2023 को प्रारूप में प्रकाशित फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का निरीक्षण कर लें तथा पात्र व्यक्तियों के नाम दर्ज करने तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से कटवाने में अपना पूरा सहयोग करें।
मरम्मत व जरुरी रख-रखाव के चलते राजगढ़, खेरी, माछेर, बडूसाहिब, हाब्बन, दीदग, मरयोग, चाड़ना ,नोहराधार, बोगधार, पनोग, हरिपुरधार, रोनहाट, कुपवी आदि स्थानों पर 31 अक्तूबर को सुबह 09 बजे से सांय 06 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी सहायक अभियन्ता विद्युत उपमंडल राजगढ़ आदर्श वर्मा ने दी। उन्होंनेे बताया कि यह मरम्मत कार्य मौसम की स्थिति पर निर्भर रहेगा। उन्होंने इस अवधि के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने गत देर सांय महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस शोभा यात्रा का स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यह आयोजन हमें सामाजिक समरसता एवं भाईचारे का सन्देश प्रदान करता है। डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर वाल्मीकि वर्ग सुधार समिति सोलन को अपनी एच्छिक निधि से 21,000 रुपए प्रदान करने की घोषणा की। जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षद गण, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अंकुश सूद, कांग्रेस के जगमोहन मल्होत्रा, विनेश धीर, कांग्रेस पार्टी के अन्य पदाधिकारी, वाल्मीकि वर्ग सुधार समिति सोलन के अध्यक्ष प्रेम चन्द मट्टू, अन्य सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
जिला प्रशासन किन्नौर, भाषा कला एवं संस्कृति विभाग तथा हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग के सहयोग से 22 से 24 अक्टूबर, 2023 तक जिला किन्नौर में छुक्षिम जिसका अर्थ है मिलना शीर्षक से पहला जनजातीय साहित्य-सह-भ्रमण महोत्सव आयोजित किया गया। इस तीन दिवसीय जनजातीय साहित्य-सह-भ्रमण महोत्सव में जनजातीय जिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और संरक्षित करने और राज्य के लेखकों और पाठकों को एक साथ लाने के साथ-साथ जिले में साहित्यिक माहौल स्थापित करने और पर्यटन क्षमता का दोहन करने का सफल प्रयास किया गया। महोत्सव के प्रथम दिन पदमश्री विद्यानंद सरैक ने मुख्य वक्ता पद्मश्री विद्यानंद सरैक ने अपने जीवन के अनुभव को सांझा कर उपस्थित लोगों का ज्ञानवर्धन किया व साथ ही संगीत, कला तथा हिमाचली संस्कृति को प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समा बांधा। पदमश्री विद्यानंद सरैक ने विस्तारपूर्वक हिमाचल की संस्कृति व कला के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने हिमाचल के सभी जिलों के लोक गीतों को स्वरबद्ध करते हुए संपूर्ण हिमाचली संस्कृति का प्रस्तुतिकरण किया। इसके उपरांत प्रोफेसर विद्या सागर नेगी ने किन्नौर जिला के इतिहास व समृद्ध संस्कृति के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अपने साहित्यिक अनुभव को सांझा करते हुए कहा कि जिला किन्नौर का अत्यंत प्राचीन व गूढ़ इतिहास है। उन्होंने उपस्थित लोगों को जिला किन्नौर की भौगोलिक व सांस्कृतिक धरोहरों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपनी संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के लिए आगे आने को भी कहा। जनजातीय साहित्य सह भ्रमण महोत्सव में प्रदेश व जिला के प्रसिद्ध साहित्यकारों के मध्य एक पैनल चर्चा का भी आयोजन किया गया जिसमें साहित्यकारों द्वारा अपने-अपने साहित्य के क्षेत्र से संबंधित विचार रखे गए तथा एक साहित्यिक वातावरण स्थापित किया गया। महोत्सव के दूसरे दिन साहित्यकार एवम सेवानिवृत आईएएस दीपक सानन ने अपने जीवनकाल के अनुभव को सांझा किया और प्रदेश सहित जिला किन्नौर के इतिहास, संस्कृति व रीति रिवाजों से उपस्थित जनों को अवगण करवाया। किन्नौर जिला के जंगी गांव से संबंधित सेवानिवृत्त आईएएस शरब नेगी ने अपने साहित्यिक सफर को प्रस्तुत करते हुए कहा कि किसी भी प्रदेश व क्षेत्र के साहित्यिक विकास में युवा पीढ़ी का एहम योगदान होता है। उन्होंने किन्नौर जिला की सांस्कृतिक विशेषताएं व चुनौतियों के बारे में सभी को विस्तृत रूप से जानकारी प्रदान की। प्रोफैसर स्नेह लता नेगी ने अपनी कविता के माध्यम से जहां महिला सशक्तिकरण व जिला किन्नौर की संस्कृति तथा अलौकिक सौंदर्य को शब्दों की माला में पिरोहकर कार्यक्रम का समा बांधकर उपस्थित जनों को संस्कृति व रीति रिवाजों से अवगत करवाया वहीं प्रोफैसर ईशान मार्वल ने अंग्रेजी व हिंदी कविता के माध्यम से विभिन मुद्दों पर सामाजिक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। जनजातीय साहित्य महोत्सव के तीसरे व अंतिम दिन सचिव भाषा कला एवम संस्कृति विभाग राकेश कंवर ने जनजातीय साहित्य उत्सव के आयोजन पर बधाई दी और कहा की इन आयोजनों से जनजातीय क्षेत्रों की समृद्ध संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और साहित्य का वातावरण स्थापित होता है। उन्होंने साहित्यिक वातावरण स्थापित करने की विशेषता पर बल दिया और पढ़ने की आदत को विकसित करने को कहा। कार्यकर्म में साहित्यकारों की चर्चा भी आयोजित की गई जिसमे दीपक सानन, शरभ नेगी और यशिका सिंगला ने भाग लिया और जनजातीय साहित्य, जनजातीय संस्कृति के संरक्षण, जलवायु परिवर्तन का संस्कृति पर प्रभाव, इत्यादि पर चर्चा की। हिमाचल की प्रसिद्ध लेखिका मीनाक्षी कंवर ने अपनी साहित्यिक सफर सांझा करते हुए कहा की उनके द्वारा 26 पुस्तके लिखी गई है। उन्होंने कहा की उपस्थित विद्यार्थियों और अतिथियों को अपने विचारों का लेखन कर लिखने की शुरुआत करने की प्रेरणा दी। ट्राइबल गर्ल के नाम से प्रसिद्ध लाबरंग की अमिता छोरगिया नेगी ने भी जनजातीय संस्कृति पर किए जा रहे कार्यों पर अपनी प्रस्तुति दी। महोत्सव के तीनों दिन आर्ट गैलरी तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय उत्पादों व हथकरघा उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई।
25 विधानसभा हलकों से सिर्फ एक मंत्री राजयोग उसका जिसे मिले कांगड़ा और मंडी का साथ सत्ताधारी कांग्रेस के हिस्से में है 11 सीटें क्या कांगड़ा में कांग्रेस की खींचतान डाल रही अड़ंगा ! भाजपा में मंडी को भरपूर मान, कांगड़ा दिखे हल्का मंडी में कांग्रेस को चाहिए व्यवस्था परिवर्तन 12 जिलों में 68 विधानसभा सीटें और 25 सीटें सिर्फ दो जिलों से। यानी करीब 37 प्रतिशत सीटें इन्हीं दो जिलों से है। इसीलिए कहते है हिमाचल प्रदेश में उसका राजयोग पक्का समझो जिसे कांगड़ा और मंडी का साथ मिल जाएँ। इन दो जिलों की चाल, सत्ता की ताल बदल देती है। 15 सीटों वाला जिला कांगड़ा और 10 सीटों वाला जिला मंडी सियासी दलों को मजबूर भी कर सकते है और मजबूत भी। ये ही कारण है की इन्हें सत्ता में भागीदारी भी उसी लिहाज से मिलती रही है। 2022 के विधानसभा चुनाव में जिला कांगड़ा कांग्रेस के साथ गया और पार्टी 10 सीटें ले आई। वहीँ मंडी ने भाजपा और जयराम ठाकुर का मान रखा और दस में से नौ सीटों पर भाजपा को शानदार जीत मिली। दोनों जिलों की 25 में से 11 पर कांग्रेस को जीत मिली। खेर सत्ता परिवर्तन हुआ और कांग्रेस की सरकार बन गई। मंडी ने कांग्रेस का साथ नहीं दिया लेकिन कांगड़ा का भरपूर प्यार मिला। सिलसिलेवार दोनों ज़िलों की बात करते है और शुरुआत करते है ज्यादा सियासी वजन वाले जिला कांगड़ा से। कांगड़ा को जिस सियासी अधिमान की अपेक्षा थी वो अब तक नहीं मिला, कैबिनेट में इसका वजन अब तक हल्का है। कांगड़ा के हिस्से में अब तक सिर्फ एक मंत्री पद आया है। कैबिनेट में तीन स्थान खाली है और जाहिर है इसमें कांगड़ा का भी हिस्सा होगा, लेकिन जो मंत्रिपद पांच साल के लिए मिल सकते थे अब चार साल के लिए मिलेंगे, या उससे थोड़ा कम ज्यादा। जाहिर सी बात है कैबिनेट के चेहरे तय करने में कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान अड़ंगा डाल रही है, जिसका खमियाजा कांगड़ा को भुगतना पड़ रहा है। दूसरा सवाल ये भी है कि क्या कांगड़ा में वजनदार नेता नहीं रहे जो जिला के हक की बात रखे। जीएस बाली के रहते कांगड़ा का दावा सीएम पद के लिए था लेकिन अब हालात ये है कि मंत्रिपद के लिए भी कांगड़ा तरस गया है। दूसरा बड़ा नाम सुधीर शर्मा भी पार्टी के भीतरी संतुलन में अब तक कतार में ही है। वीरभद्र सरकार के समय सुधीर और स्व बाली, दोनों ही नेता सियासी मोर्चे पर वॉयलेंट रहते थे, अब बाली रहे नहीं और सुधीर साइलेंट है। दिग्गज ओबीसी नेता चौधरी चंद्र कुमार कांगड़ा से एकलौते मंत्री है, पर उनके जूते में भी उनके पुत्र और पूर्व विधायक नीरज भारती का पांव नहीं पड़ रहा। यानी मंत्री के घर में भी असंतोष है। जिला से दो सीपीएस बनाये गए है मगर ये सीपीएस रहेंगे या नहीं ये भी कोर्ट को तय करना है। आरएस बाली को जरूर कैबिनेट रैंक दिया गया है। इनके अलावा यादविंद्र गोमा, संजय रतन, भवानी पठानिया, मलेंद्र राजन और केवल पठानिया भी अपने अपने हलकों की सियासत में सिमित है। दिलचस्प बात ये है कि जला कांगड़ा के ये दस विधायक चार अलग-अलग गुटों से है। इनमें से तीन गुट कभी साथ थे, अब इनके बिखराव ने इन्हें कमजोर कर दिया है। बहरहाल कांगड़ा को आश्वासन तो मिल रहे है और शायद जल्द मंत्री पद भी मिले, लेकिन इस विलम्ब से कांग्रेस को हासिल क्या होगा, ये बड़ा सवाल है। वहीँ पद देकर किसका कद बढ़ाया जाता है, पुरानी निष्ठाएं बरकारार रहती है या बदलती है, इस पर भी निगाह रहेगी। बात भाजपा की करें तो भाजपा संगठन में भी कांगड़ा हल्का ही दीखता है। उम्मीद थी कि भाजपा का अगला प्रदेश अध्यक्ष जिला कांगड़ा से हो सकता है लेकिन ऐसा हुआ नहीं। कांगड़ा से प्रदेश संगठन में एक महामंत्री है, वहीँ अन्य पदों में भी कांगड़ा को वैसी तवज्जो नहीं दिखती जैसी अपेक्षा थी। कांग्रेस की तरह ही यहाँ भाजपा में भी गुट है और गुटों में भी गुट है। 2022 के विधानसभा चुनाव में यहाँ भाजपा को सिर्फ चार सीट मिली थी, दो कैबिनेट मंत्री और संगठन के महामंत्री भी चुनाव हार गए थे। कांगड़ा में कमजोरी पार्टी के सत्ता से वनवास का बड़ा कारण बनी। अब बात जिला मंडी की करते है। 2017 के विधानसभा चुनाव से ही मंडी भाजपा के साथ है। तब भाजपा ने क्लीन स्वीप किया था। वहीँ 2022 में भी कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिली। भाजपा ने पांच साल मंडी को सीएम पद दिया और विपक्ष में आकर नेता प्रतिपक्ष का पद। यहाँ संकट कांग्रेस के समक्ष है। कांग्रेस के बड़े बड़े दिग्गज चुनाव हार गए जिनमें सीएम पद के दावेदार कौल सिंह ठाकुर भी है। जिला में एकमात्र विधायक है धर्मपुर से चंद्रशेखर। ऐसे में यहाँ मंत्री पद की संभावना न के बराबर है। किन्तु चंद्रशेखर को किसी अहम पद पर एडजस्ट जरूर किया जा सकता है। बहरहाल यहाँ भाजपा के लिए सब दुरुस्त है लेकिन 2017 और 2022 की पुर्नावृति न हो, इसके लिए कांग्रेस को मजबूत एक्शन प्लान की दरकार जरूर है। जिला मंडी में कांग्रेस के लिए आँतरिक व्यवस्था परिवर्तन समय की जरुरत है। मंत्रिपद न सही लेकिन मंडी को भागीदारी भरपूर देनी होगी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटि में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया गयाI स्कूल प्रवक्ता गोपाल शर्मा ने बताया की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटि में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया, जिसमें शरनजीत कौर एसबीआई शाखा प्रबंधक पट्टा बरोरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कीI इनके साथ जगदीश भारद्वाज सेवा निवृत प्रधानाचार्य पाठशाला कोटि, अमर प्रकाश सेवा निवृत प्रवक्ता इतिहास पाठशाला कोटि ने वशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत कीI इस अवसर पर प्रधानाचार्या उपासना सूद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटि ने मुख्य अतिथि, वशिष्ट अतिथि और अन्य को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित कियाI स्कूली बच्चों द्वारा नाटी, भांगड़ा, सस्वती वंदना इत्यादि कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए और जिला स्तरीय कला उत्सव के लिए चयनित छात्रा सृष्टि परिहार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटि ने भी अपनी प्रस्तुति दीI इस अवसर पर प्रधानाचार्या व मुख्य अतिथि ने कक्षा छठी से कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों को शिक्षण व अन्य क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों के लिए सम्मानित कियाI इस अवसर पर एस एम सी अध्यक्षा राधा देवी ने भी अपने विचार साँझा किये I
प्रदेश में नियोजित एवं विनियमित विकास के दृष्टिगत राज्य सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के सशक्त नेतृत्व में ठोस कदम उठा रही है। इसके लिए हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन के अंतर्गत नियमों में आवश्यक बदलाव किए गए हैं। साथ ही नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग को सुदृढ़ करने के दृष्टिगत इसमें आधुनिक प्रौद्योगिकी का समावेश किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि प्रदेश के योजना क्षेत्रों के विनियमित विकास तथा लोगों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए वर्तमान प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय के साथ कार्य करते हुए सरकार ने इस दिशा में कई महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के वेब पोर्टल को ऑटो डीसीआर (विकास नियंत्रण विनियम) क्षमता के साथ विकसित किया जा रहा है। इससे योजना अनुमति के लिए प्रस्तुत नक्शों की कम्प्यूटरीकृत स्कैनिंग हो सकेगी। ऑटो डीसीआर एकमुश्त रिपोर्ट भी तैयार करेगा। आवेदक से संबंधित कमियों को जान सकेंगे और इनमें सुधार भी कर सकेंगे। इस वेब पोर्टल को ऑटो डीसीआर क्षमता के साथ विकसित करने का कार्य शीघ्र ही पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित गया है। इसमें पंजीकृत निजी पेशेवरों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया, 500 वर्गमीटर तक के भू-खण्डों पर आवासीय उपयोग के लिए विकास अनुमति देने का कार्य भी शामिल है। सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में आवेदकों के आवागमन को सीमित करने के दृष्टिगत पंजीकृत निजी पेशेवरों के लिए अधिसूचित मानक संचालन प्रक्रिया जल्द ही विभाग के ऑनलाइन पोर्टल में शामिल करने के पश्चात शुरू कर दी जाएगी। यह केवल 500 वर्गमीटर के भू-खण्डों के आवासीय उपयोग के लिए सभी अधिसूचित योजना व विशेष क्षेत्रों तथा शहरी स्थानीय निकायों में विकास की अनुमति के लिए मान्य होगी। प्रदेश में फोरलेन के आसपास नियोजित एवं विनियमित विकास के दृष्टिगत फोरलेन योजना क्षेत्र का गठन भी किया गया है। फोरलेन योजना क्षेत्र में परवाणू-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग, किरतपुर-मनाली, शिमला-मटौर तथा पठानकोट-मण्डी राजमार्ग शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अटल सुरंग के उत्तरी पोर्टल में हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम-1977 के प्रावधान लागू किए गए हैं। इससे सुरंग के संचालन के कारण संभावित अनाधिकृत और अनियोजित विकास गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकेगा। प्रदेश सरकार ने शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को राहत पहुंचाने के दृष्टिगत एटिक के आवासीय उपयोग का भी प्रावधान किया है। इस संशोधन से भवनों के भीतर उपलब्ध स्थान में प्रभावी रूप से बढ़ोतरी होगी। साथ ही अतिरिक्त मंजिलें बनाने में लोगों को बड़े पैमाने पर लाभ भी मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों पर भविष्य में भवनों की जल निकासी प्रणाली की जांच तथा इमारतों के संरचनात्मक डिजाइन के बारे में विभाग एक प्रस्ताव तैयार कर रहा है। इससे बरसात के दौरान राज्य में भारी बारिश के कारण सार्वजनिक और निजी सम्पत्ति को होने वाले नुकसान को नियंत्रित एवं सीमित करने में सहायता मिल सकेगी।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज राजभवन में आयोजित गरिमापूर्ण समारोह में डा. अंजू शर्मा को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की सदस्य के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल भी उपस्थित थीं। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, विधायक केवल सिंह पठानिया और मलेंद्र राजन, हिमाचल लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष रामेश्वर सिंह ठाकुर, लोकायुक्त न्यायमूर्ति चंद्र भूषण बारोवालिया, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, हिमाचल लोक सेवा आयोग की सदस्य डा. रचना गुप्ता, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, सचिव बागवानी राकेश कंवर, निदेशक पर्यटन अमित कश्यप, हिमाचल लोक सेवा आयोग के सचिव डी.के. रतन, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा ने कार्यवाही का संचालन किया।
एसडीएम राजगढ़ राज कुमार ठाकुर ने नगर पंचायत राजगढ़ के नव निर्वाचित अध्यक्ष ज्योति साहनी व उपाध्यक्ष कपिल ठाकुर को आज नगर पंचायत हॉल राजगढ़ में प्रदेश कांग्रेस सचिव दयाल प्यारी की उपस्थिति में पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रदेश कांग्रेस सचिव दयाल प्यारी ने नव निर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को बधाई दी। नव निर्वाचित अध्यक्ष ज्योति साहनी व उपाध्यक्ष कपिल ठाकुर ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष निर्वाचित करने के लिए नगर पंचायत राजगढ़ के पार्षदगणों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर पंचायत राजगढ़ के पार्षद सुमन चौहान व रंजीत सहित सचिव नगर पंचायत राजगढ़ अभिनव शर्मा व अन्य वरिष्ठ जन उपस्थित थे।
राजकीय महाविद्यालय ज्वालाजी में केंद्रीय छात्र परिषद वर्ष 2023-24 के लिए निर्वाचित पदाधिकारियों को प्राचार्य डॉ सुशील कुमार बस्सी द्वारा शपथ दिलाई गई। प्रधान पद पर विज्ञान चिराग ठाकुर, उप प्रधान पद पर वाणिज्य संकाय की कविता, सचिव पद पर कला संकाय के अजमु, संयुक्त सचिव पद पर बीसीए के शुभम ने शपथ ग्रहण किया। वहीँ , अन्य सदस्यों में साक्षी कौंडल, अनीता कौंडल, मुस्कान शर्मा, वरुण, वैभव शर्मा , मीनाक्षी, साहिल, साहिल धीमान, कृतिका शर्मा, रितिक चौधरी, तमन्ना राणा, अनुप्रिया ठाकुर ने भी जिम्मेदारियों के निर्वहन की शपथ ली।
पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत आती पुलिस चौकी रैहन के देहरी में शुक्रवार को एक डिजायर और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इससे बाइक पर सवार दो छात्राएं घायल हो गईं। घायल लड़कियों में एक की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मिन्ता और गदरोली निवासी दो छात्राएं शुक्रवार सुबह रैहन की तरफ से देहरी कॉलेज जा रही थीं। ऐसे में देहरी वाटर सप्लाई ऑफिस के सामने राजा का तालाब की तरफ से आ रही स्विफट कार न.एचपी 88–0917 चालक ने विपरीत दिशा में जाकर जोरदार टक्कर मारकर बाइक सवार न.एचपी 88–0376 दोनों छात्राओं को घायल कर दिया। जिससे छात्रा प्रेरणा और आरजू गंभीर रूप से घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल छात्रा मिन्ता प्रेरणा को परिजन पठानकोट के निजी अस्पताल में ले गए। जबकि आरजू निवासी गदरोली को सिविल अस्पताल नूरपुर भेजा गया है। इस दौरान जोरदार टक्कर की आवाज से आस पास के लोग इकट्ठा हो गए। इस बीच घटना की सूचना रैहन पुलिस चौकी को दी गई। हैड कांस्टेबल संजीव और दिनेश घटनास्थल पर तत्काल पहुंच गए। और उन्होंने आगे की कार्यवाही शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक दोनों घायल छात्राओं में से गंभीर रूप से घायल छात्रा प्रेरणा की स्थिति की जानकारी पता नहीं चल पाई है।
सिरमौर जिला की बाल विकास परियोजना संगडाह की विभिन्न पंचायतों में 8 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व 18 सहायिकाओं के पदों के लिए गुरुवार को हुए साक्षात्कार के परिणाम विभाग ने देर सांय जारी कर दिए है। SDM संगड़ाह सुनील कायथ की अध्यक्षता में कमेटी द्वारा मिनी सचिवालय परिसर में हुए उक्त साक्षात्कार देर सायं संपन्न होते ही परिणाम की सुची जारी की गई। बाल विकास परियोजना अधिकारी संगड़ाह ईशाक मोहम्मद ने बताया कि आंगनबाडी केन्द्र लाना पालर में ज्योति शर्मा, कोयड़ा में ममता चोरास, राणफुआ में रंजना, मानल प्रोमिला जबड़ोग, प्रियंका बड़ोल में इंदरा व भंगाडी में प्रियंका आंगनबाडी कार्यकर्ता के व हलाईयों में सीमा भुएरी में मोनिका,उंचा-टिक्कर में न्यालय में लम्बित है। पुन्नरधार में आशा ,कुफटु में सरिता,चौकण में तनुजा,भावण में रीना, कांडो में इन्दु बाला,सांगना में मनीष ,उलाना में उज्जवल ,शिवपुर में मुस्कान ,धार-टारण में कलावती ,रजाना में सरोज ,निहोग में ज्योति कुमारी काकोग, बडग पूजा देवी,राणफुआ में रविना और टिकरी में शुभांगनी चयनित हुई है
पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में 22 अक्तूबर से खेले जा रहे अंडर 13 बॉयज़ इन्विटेशनल क्रिकेट टॉर्नमेंट का विधिवत समारोह हुआ। समारोह में जिला सोलन के उपायुक्त आईएएस श मनमोहन शर्मा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। ज्ञात हो कि इस इन्विटेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट में आर्मी पब्लिक स्कूल डगशाई, द बिशप कॉटन स्कूल शिमला, मेयो कॉलेज अजमेर, द पंजाब पब्लिक स्कूल नाभा, द लॉरेंस स्कूल सनावर और पाइनग्रोव स्कूल की टीमों ने भाग लिया इन टीमों ने एक दूसरे के साथ अनेक लीग मैच खेले। हैड ऑफ स्पोर्ट्स मिस्टर सुरेन्द्र मेहता एवम पाइनग्रोव स्कूल के क्रिकेट कोच मिस्टर कुशल ठाकुर से मिली जानकारी के अनुसार लीग मैचों के पश्चात सर्वाधिक अंकों के आधार पर मेयो कॉलेज अजमेर और पाइनग्रोव स्कूल के मध्य फाइनल मैच खेला गया। पाइनग्रोव स्कूल ने सेमी फाइनल में बिशप कॉटन स्कूल शिमला को हराकर फाइनल में प्रवेश किया । 25 अक्तूबर को दोनों टीमों से मुख्य अतिथि के औपचारिक परिचय के पश्चात टॉस हुआ। मेयो कॉलेज अजमेर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। ओपनिंग बल्लेबाजो को पूरे जोश और विश्वास के साथ पिच पर उतारा गया। मेयो कॉलेज अजमेर ने निर्धारित 20 ओवरों में 106 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में स्कोर का पीछा करते हुए पाइनग्रोव स्कूल की टीम ने चार विकटें खोकर 106 रनों का लक्ष्य प्राप्त कर मैच को जीत लिया और इस मैच की‘चैम्पियन्स ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता। पाइनग्रोव स्कूल के दक्ष धर्मा को बैस्ट विकेट कीपर, मेयो कॉलेज अजमेर के नरून को अपकमिंग प्लेयर, पाइनग्रोव स्कूल के जयंत सिंह खत्री को बैस्ट बोलर, मेयो कॉलेज अजमेर के रायांश तुली को बैस्ट बैट्समैन, पाइनग्रोव स्कूल के रजत चौधरी को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक और पाइनग्रोव स्कूल के दक्ष शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब दिया गया। पारितोषिक वितरण समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि ने विजेता टीम, व्यक्तिगत पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी एवम पाइनग्रोव स्कूल को U-13 बॉयज़ इन्विटेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट 2023 के सफल आयोजन के लिए सराहा । पाइनग्रोव स्कूल के अन्य अधिकारी एवं कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह मुख्य अतिथि के साथ उपस्थित रहे।
बाघीकी बेटी श्रुति रोहटा की एक और वेब सीरीज बहुत जल्दी बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज होने वाली है। बॉलीवुड फिल्म धक धक में बॉलीवुड स्टार्स दिया मिर्ज़ा, फातिमा सना शेख और रत्ना पाठक शाह जैसे कलाकारों के साथ अभिनय कर चुकी है। बता दें कि श्रुति रोहटा बागी कोटखाई शिमला की रहने वाली है, वो पिछले 10 सालों से शिमला रंगमंच में बतौर अभिनेत्री सक्रिय है। हाल ही में रिलीज बॉलीवुड फिल्म धक धक में श्रुति एक पुलिस वाली का किरदार निभा रही है उनके अभिनय के लिए उन्हें बहुत सराहा जा रहा है। इससे पहले भी श्रुति वेब सीरीज और शार्ट फिल्म्स में काम कर चुकी है।
कांग्रेस पार्टी ने झूठ बोलकर प्रदेश में सरकार बनाई है और अब झूठ का ही सहारा लेकर आगे सरकार चलाना चाहती है। मुख्यमंत्री हर रोज़ नया झूठ बोलते हैं। ये ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है। नेता प्रतिपक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने सराज विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान सराज के थाची में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिस सरकार की नींव ही झूठ का सहारा लेकर रखी गई हों वो ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है। पूरे प्रदेश में जनता के बीच एक अविश्वास का वातावरण बना हुआ है। कांग्रेस ने माताओं-बहनों को ठगने का काम किया जो बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्ता पाने के लिए कांग्रेस नेताओं ने महिलाओं को प्रति माह 1500 रुपये देने की गारंटी दी थी लेकिन अभी तक इस गारंटी पर कोई भी काम नहीं किया गया। कहा था कि गांव का दूध सौ रुपए लीटर सरकार खरीदेगी क्या आपका दूध खरीदने आया कोई। कहा था दो रूपए के हिसाब के सरकार गोबर खरीदेगी क्या गोबर बिका क्या। कहा था किसान और बागवान ही फलों और सब्ज़ियों के दाम तय करेंगे क्या ऐसा हुआ क्या। हां, इतना जरूर है कि कांग्रेस सरकार हजारों करोड़ों का ऋण जरूर ले रही है लेकिन विकास कार्य ठप्प पड़े हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सत्ता में आते ही हमारे खोले संस्थानों को बंद करने का काम इस सरकार ने किया है। मेरे से पहले भी वीरभद्र सिंह जी और धूमल जी की सरकारें रहीं उन्होंने कभी एक दूसरे के संस्थान तो बंद नहीं किए। जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मदद से आप आपदा में प्रभावितों को वित्तीय मदद कर पा रहे हैं। जो सरकार दे रही है वो एक-एक पाई केंद्र से मिल रही है। आपने सिर्फ झूठ बोलकर एक राहत पैकेज बनाकर ऐसे परोसा जैसे कि ये सब आपकी सरकार दे रही है जबकि हकीकत ये है कि करीब 11 हज़ार आवास बनाने के लिए पैसा केंद्र ने जारी किया है और 825 करोड़ रुपए आपदा प्रबंधन के लिए केंद्र सरकार ने भेजे। इसके अलावा मुख्य सड़कों का रखरखाब और निर्माण के लिए पैसे केंद्र से ही मिल रहे हैं जबकि सुक्खू सरकार के पास सड़कों पर गिरा मलबा हटाने तक के लिए पैसा नहीं है। आज राष्ट्रीय उच्च मार्ग और फोरलेन तेज़ी से बहाल हो रहे हैं जिसमें सारा पैसा केंद्र से आ रहा है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र से वित्तीय मदद हासिल हुई तो उसके बाद मुख्यमंत्री घोषणा करने लायक बने। उन्होंने वीरवार को सराज के सोमगाड़ पंचायत के जैहरा में कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा मंडलाध्यक्ष भागीरथ शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ज्वालामुखी शहर के गीता भवन में छह नवंबर को मेडिकल एड असेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। एसडीएम की ओर से लगाए जा रहे इस कैंप का समय सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक रहेगा। सात नवंबर को यही कैंप खुंडियां स्थित सिविल अस्पताल में लगाया जाएगा। तहसील कल्याण अधिकारी ने बताया कि 40 फीसदी या इससे अधिक की पात्रता वाले दिव्यांग कृत्रिम अंगों के लिए इस कैंप में आ सकते हैं। कैंप के दौरान एलिमको आक्सीलरी प्रोडक्शन सेंटर चंडीगढ़ से आई टीम दिव्यांगों की आवश्कता का आकलन करेगी। उन्होंने साफ किया कि इस कैंप में किसी तरह के दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं बनाए जाते हैं। संबंधित व्यक्ति को चिकित्सा प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और एक पासपोर्ट साइज फोटो लाना जरूरी होगा। अंगों का वितरण तीन दिसंबर को किया जाएगा।


















































