-राज्यपाल ने कहा, दोनों केंद्र शासित राज्य समृद्धि की ओर अग्रसर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज राजभवन में जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि धर्म, जाति व क्षेत्रवाद की संकीर्णता को समाप्त करना ही इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक भारत-श्रेष्ठ भारत की कल्पना को साकार कर रहा है जिसके तहत देश के विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस को हर राज्य में मनाने की एक पहल की गई है। शिव प्रताप शुक्ल ने इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख के मूल निवासियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश की जन्नत कहा जाने वाला जम्मू-कश्मीर व लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश कीे स्थापना 5 अगस्त, 2019 को अनुच्छेद 370 की शक्तियों को समाप्त करने के बाद 31 अक्तूबर, 2019 से जम्मू-कश्मीर व लद्दाख दो अलग केंद्र शासित राज्य बने। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित राज्य की स्थापना से पूर्व कश्मीर की जनता व जन-जीवन पूर्णतया अस्त-व्यस्त था। वर्ष 2019 के बाद जम्मू व कश्मीर में केंद्र सरकार की मदद से अनेक नई व महत्वाकांक्षी परियोजनाएं पूरी हुई हैं। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा व पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है जिससे ये दोनों राज्य अब खुशहाली व समृद्धि की ओर अग्रसर हैं। राज्यपाल ने कहा कि केंद्र शासित राज्य के रूप में गठन से लद्दाख में चहुंमुखी विकास को गति मिली हैै। गत वर्षो में इस राज्य में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। देश का सीमावर्ती राज्य होने के नाते सुरक्षा की दृष्टि से सड़कों व टनलों का निर्माण किया गया है। शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में जिस राज्य में धार्मिक कट्टरपंथियों के भय से आम जनजीवन भय, निराशा व अवसाद के कारण ़त्रस्त था वहां समाज के प्रत्येक क्षेत्र में विकास व समृद्धि को बढ़ावा मिला है। अब राज्य में युवाओं के लिए रोजगार के अनेक अवसर पैदा किए गए हैं। पर्यटकों के आवागमन से स्थानीय लोगों की आर्थिकी में भी वृद्धि हुई है। कार्यक्रम में लद्दाख के सांस्कृतिक दल को उनके मनमोहक प्रस्तुति के लिए 51 हजार रूपए प्रदान किए। कश्मीर के नागरिक शुभदीप सिंह ने जम्मू कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाये जाने से अपने परिवार व स्थानीय मुस्लिम परिवारों के साथ घटित मर्मस्पर्शी घटनाएं साझा कीं। राज्यपाल ने उपस्थित जन समूह तथा राजभवन के अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर राज्यपाल तथा लेडी गर्वनर जानकी शुक्ल ने दोनो राज्यों के उपस्थित निवासियों को शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा और दोनों राज्यों के नागरिक उपस्थित थे।
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने आज बताया कि जिला सोलन की नगर पंचायत अर्की के नगर परिषद वार्ड नंबर 2 मियांपुर और ज़िला शिमला की नगर पंचायत चौपाल के वार्ड नंबर 6 छावनीवीर हॉस्पिटल में होने वाले उप-चुनावों के दृष्टिगत 5 नवंबर को सवैतनिक अवकाश (मतदान होने की स्थिति में) घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि उप चुनाव वाले क्षेत्रों में उस दिन औद्योगिक विवाद अधिनियम के तहत इस दौरान सभी सरकारी कार्यालय, निगम, बोर्ड, शैक्षणिक संस्थान, औद्योगिक प्रतिष्ठान तथा दुकानें बंद रहेंगी। नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट 1881 की धारा 25 के तहत दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को सवैतनिक अवकाश देय होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष आकस्मिक अवकाश उन कर्मचारियों को दिया जा सकता है जो राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं और उन्हें संबंधित संस्थानों के उप-चुनाव में मतदान करना है। विशेष अवकाश लेने वाले कर्मचारियों को मतदान करने से संबंधित पीठासीन अधिकारी द्वारा ज़ारी प्रमाण-पत्र कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।
-एक घंटे में 700 यात्री दोनों ओर कर सकेंगे आवाजाही -रज्जू मार्ग के बनने से भीड़ भी होगी नियंत्रित प्रदेश सरकार हिमाचल में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठा रही है। विशेषतौर पर राज्य में स्थित शक्तिपीठों में आने वाले श्रद्धालुओं व अन्य पर्यटकों को सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ ही इन स्थलों तक पहुंच आसान बनाने के लिए आधारभूत संरचना विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात चिंतपूर्णी मंदिर के लिए रोप-वे निर्माण पर 76.50 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है। लगभग 1.1 किलोमीटर लंबे इस रोप-वे का कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार त्वरित कदम उठा रही है। इस अत्याधुनिक परिवहन प्रणाली से दोनों ओर प्रति घंटा 700 यात्रियों की आवाजाही सुनिश्चित होगी। साथ ही यहां आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं को एक नया यात्रा अनुभव भी होगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस परियोजना की अहमियत के दृष्टिगत इस पर विशेष बल दे रहे हैं। उनका मानना है कि चिन्तपूर्णी मंदिर का ऐतिहासिक एवं अध्यात्मिक दृष्टि से काफी महत्व है। हिमाचल प्रदेश में स्थित शक्तिपीठों में इसका प्रमुख स्थान है। वर्तमान में इस मंदिर को बाबा माईदास भवन पार्किंग क्षेत्र से सिंगल लेन सड़क से जोड़ा गया है। नवरात्रों सहित अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान भारी भीड़ और यातायात जाम इत्यादि जैसी समस्याओं से दो-चार होना पड़ता है। इन समस्याओं के समाधान के दृष्टिगत रज्जू मार्ग की परिकल्पना एक महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रदेश सरकार की धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की नीति के भी अनुकूल है। चिंतपूर्णी मंदिर में इस रज्जू मार्ग प्रणाली के स्थापित होने से भीड़ नियंत्रण में सुविधा होगी और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम मार्ग भी उपलब्ध हो सकेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और इस पवित्र स्थल तक लोगों की यात्रा सुगम्य एवं आरामदायक होगी। इसके साथ ही देश के मुख्य धार्मिक स्थलों में भी यह प्रमुखता से शामिल हो सकेगा। मुख्यमंत्री का कहना है कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल में प्रतिवर्ष 5 करोड़ पर्यटकों के आगमन का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में धार्मिक पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका है। हिमाचल प्रदेश देवभूमि के नाम से भी विख्यात है और यहां के प्राचीन मंदिर व शक्तिपीठों में लाखों की संख्या में श्रद्धालु शीश नवाने पहुंचते हैं। इसी के दृष्टिगत राज्य सरकार ने इन शक्तिपीठों व अन्य धार्मिक स्थलों में आधारभूत ढांचे के विकास को विशेष प्राथमिकता प्रदान की है। श्रद्धालुओं की यात्रा को अविस्मरणीय एवं आरामदायक बनाने के दृष्टिगत प्रदेश सरकार ठोस कदम उठा रही है। चूंकि पर्यटन प्रदेश की आर्थिकी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में प्रदेश सरकार के इन प्रयासों से स्थानीय युवाओं के रोजगार व स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो सकेंगे।
शूलिनी विश्वविद्यालय ने 2024 के लिए प्रतिष्ठित टाइम्स हायर एजुकेशन सब्जेक्ट रैंकिंग में उल्लेखनीय रैंकिंग हासिल करके एक बार फिर वैश्विक मंच पर अपनी योग्यता साबित की है। लगातार प्रगति और अकादमिक उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता के ट्रैक रिकॉर्ड के साथ, शूलिनी विश्वविद्यालय ने भौतिक विज्ञान, जीवन विज्ञान और इंजीनियरिंग में शीर्ष स्तरीय स्थान हासिल किया है, जो एक अग्रणी संस्थान के रूप में अपनी स्थिति की पुष्टि करता है। नवीनतम विषय रैंकिंग में, शूलिनी विश्वविद्यालय विश्व स्तर पर भौतिक विज्ञान और जीवन विज्ञान दोनों में दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्थान पर है, जिसने खुद को दुनिया भर में 301-400 की रेंज में रेटिंग वाले संस्थानों के प्रतिष्ठित बैंड में मजबूती से रखा है। इंजीनियरिंग के क्षेत्र में, शूलिनी विश्वविद्यालय ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और 401-500 की वैश्विक सीमा के भीतर भारत में तीसरा सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल किया है। इसके अलावा, शूलिनी विश्वविद्यालय ने तीन महत्वपूर्ण विषयों: इंजीनियरिंग, भौतिक विज्ञान (एलपीयू के साथ संयुक्त रूप से), और जीवन विज्ञान में भारत में नंबर 1 निजी विश्वविद्यालय के रूप में स्थान पाने का प्रतिष्ठित गौरव प्राप्त किया है। शूलिनी यूनिवर्सिटी के चांसलर प्रोफेसर पी के खोसला ने कहा कि हमें इस उपलब्धि पर बेहद गर्व है। शूलिनी यूनिवर्सिटी की विकास और समर्पण की यात्रा इन रैंकिंग का परिणाम है। शूलिनी विश्वविद्यालय के प्रो चांसलर विशाल आनंद ने कहा कि िअत्याधुनिक अनुसंधान, विश्व स्तरीय संकाय और समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता पर हमारे फोकस के परिणामस्वरूप यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल हुई है। यह मान्यता शिक्षा और अनुसंधान में नए मानक स्थापित करने के हमारे दृढ़ संकल्प को बढ़ावा देती है। शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अतुल खोसला ने कहा कि यह महत्वपूर्ण उपलब्धि शूलिनी विश्वविद्यालय के छात्रों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों और समर्पण का परिणाम है। यह शिक्षा और अनुसंधान की दुनिया में नए मील के पत्थर स्थापित करने की संस्थान की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। पिछले वर्ष की रैंकिंग की तुलना में, शूलिनी विश्वविद्यालय ने उल्लेखनीय प्रगति की है। 2023 में, संस्थान ने भौतिक विज्ञान और इंजीनियरिंग में तीसरा सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल किया, जिससे दोनों श्रेणियों में पर्याप्त सुधार हुआ। उन्होंने कहा कि 2024 टाइम्स हायर एजुकेशन विषय रैंकिंग ने शूलिनी विश्वविद्यालय को वैश्विक शैक्षणिक मानचित्र पर स्थान दिया है, जो अकादमिक उत्कृष्टता और नवीन अनुसंधान के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।
जयसिंहपुर उप मंडल के अंतर्गत पड़ते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक सरीमोलग स्कूल में मंगलवार को मोटिवेशन फिटनेस क्लब द्वारा स्कूल के बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कियागया। इस कार्यक्रम में स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. मदनलाल व समस्त स्टाफ मौजूद रहा। मोटिवेशन फिटनेस क्लब के अध्यक्ष विकास राणा ने स्कूल के बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया और स्कूल के बच्चों को योगा करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ बच्चों को खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया ताकि बच्चे शारीरिक, मानसिक रूप से स्वस्थ व मजबूत अन सकें।
-'मेरी माटी, मेरा देश' कार्यक्रम में हिमाचल की रही शानदार भागीदारी 'मेरी माटी, मेरा देश' कार्यक्रम के अंतर्गत वीरभूमि हिमाचल के गांवों की मिट्टी लेकर दिल्ली पहुंचे 143 युवाओं ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के साथ कर्तव्य पथ पर विशाल कलश में अर्पित की। इसी विशाल कलश की मिट्टी से कर्तव्य पथ पर अमृत उद्यान का निर्माण होगा। इस दौरान मीडिया कर्मियों से वार्तालाप करते हुए ठाकुर ने बताया कि हमारी वीरभूमि हिमाचाल वीरों की जननी है, वीरों की भूमि है। वीरभूमि हिमाचल प्रदेश बलिदानियों की भूमि है। यहां गांव के गांव हमारे वीरों के किस्सों से पटे पड़े हैं। मेरी माटी मेरा देश हमारे शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकों को याद करने का उन्हें श्रद्धांजलि देने का प्रयास है। मेरी माटी, मेरा देश आजादी के अमृत महोत्सव का अंतिम कार्यक्रम है। पूरे देश ने पिछले दो वर्षों में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया। लाखों कार्यक्रम हुए, करोड़ों लोग इससे जुड़े। माननीय प्रधानमंत्री जी ने मेरी माटी, मेरा देश कार्यक्रम की शुरुआत करने को कहा तो पूरे देश के 6 लाख से ज्यादा गांवो और 7500 ब्लॉक्स में अमृत कलश यात्राएं निकलीं और मिट्टी इक_ा की गई और हिमाचल प्रदेश ने भी इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे देश से इक_ी की गई इस मिट्टी से कर्तव्य पथ पर अमृत उद्यान बनेगा। आज विजय चौक से लेकर इंडिया गेट तक युवाओं का हुजूम देश की मिट्टी को नमन और वीरों का वंदन करने हेतु जमा है। केंद्रीय मंत्री ने आगे बताया कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम का विधिवत समापन कर देशवासियों को संबोधित करेंगे। आज कर्तव्य पथ पर आपकी विशाल कलश देख सकते हैं जिसमें पूरे देश के 6 लाख गांव से आई मिट्टी रखी गई है।तमिलनाडु से लेकर जम्मू कश्मीर तक और नागालैंड से लेकर गुजरात तक संपूर्ण देश के युवाओं में देशभक्ति की भावना कूट-कूट कर भरी है। आज तपती धूप में पूरे देश से युवा नई दिल्ली में एकत्रित हैं। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं का जोश देखते ही बनता है।
-स्कूल की रिधिमा एवं अंशिका का राष्ट्र स्तर के लिए हुआ चयन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैत में छात्राओं की अंडर-19 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 27 से लेकर 30 अक्तूबर तक हुआ। इस प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संघोल की छात्राओं ने ताईक्वांडो में अच्छा प्रदर्शन किया। इसमें अंशिका ने गोल्ड, वर्षा कुमारी हीर ने सिल्वर, पलक ने सिल्वर, सिमस व रिधिमा ने ब्रांज मेडल हासिल किया। इसके अतिरिक्त अंडर 17 के ट्रायल भी हुए, जिसमें रिधिमा ठाकुर व अंशिका का चयन राष्ट्र स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ। इन सभी छात्राएं स्कूल पहुंचीं तो इनका भव्य स्वागत किया गया। संघोल स्कूल की प्रधानाचार्य अंजू शर्मा ने इनका सारा श्रेय ताईक्वांडो कोच अश्वनी कुमार तथा डीपी अरुण कुमार को दिया। इसके अतिरिक्त समस्त अध्यापक वर्ग तथा एसएमसी समिति की अध्यक्ष तथा सदस्यों ने इन छात्राओं को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय एकता दिवस एवं नशा मुक्ति पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। विभाग ने सरदार वल्लभ भाई पटेल को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया और नशा मुक्ति पर एक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया। कार्यक्रम विभाग के सभा हॉल में आयोजित किया गया। नशा मुक्ति अभियान के नोडल ऑफिसर डॉ. चमन लाल बंगा ने राष्ट्रीय एकता दिवस को मनाने के उद्देश्य तथा विश्वविद्यालय और हिमाचल को नशा मुक्त करने के विषय पर प्रकाश डाला। विभागाध्यक्ष अजय कुमार ने नशा मुक्ति के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता में सरदार वल्लभ भाई पटेल जी के योगदान पर अपने बहुमूल्य विचार साझा किये। इस कार्यक्रम का संचालन पीएचडी शोधार्थी अभिषेक ने किया तथा विभाग के अन्य छात्रों रमा, संदीप बोध और नेहा ने इस दिवस पर अपने विचार व्यक्त किए। इसके बाद वहां मौजूद सभी लोगों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ भी ली। इस कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष अजय कुमार अत्रि, डाक्टर चमन लाल बंगा, डॉ. युद्ध वीर, डॉ. राकेश शर्मा के अलावा विभाग के शोधार्थी एवं छात्र मौजूद रहे।
-अर्पित शर्मा, शिवानी राणा व दिव्य ज्योति रहे अव्वल कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में आज रेड रिबन क्लब व रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में क्षयरोग पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन रेड रिबन क्लब की संयोजक प्रोफेसर किरण शर्मा एवं रेड क्रॉस सोसाइटी की संयोजक से प्रोफेसर सर्जनी के नेतृत्व में हुआ। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के सभी छात्रों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में अर्पित शर्मा, शिवानी राणा व दिव्य ज्योति ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार कौंडल ने मेधावी छात्रों को बधाई दी व उनका हौसला अफजाई की। इस अवसर पर प्रोफेसर रविंद्र कुमार, डॉक्टर अर्पित कायस्थ, प्रोफेसर रजनी मौजूद रहे।
-अभिषेक और कनिका धीमान ने हासिल किया प्रथम स्थान राजकीय महाविद्यालय रक्कड़ में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर जसपाल सिंह राणा के निर्देशन में स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत थीम के अंतर्गत फिट इंडिया फ्रीडम रन- 4 कॉलेज परिसर से स्वस्थानी माता मंदिर व मंदिर से कॉलेज परिसर तक आयोजित की गई। महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज सूद ने दौड़ का विधिवत प्रारंभ करते हुए सभी प्रतियोगियों, स्वयंसेवियों व छात्रों को स्वच्छता के नियमों का पालन करते हुए स्वच्छता व स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा आह्वान किया कि सभी छात्रों को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। इस दौड़ में अभिषेक बीए तृतीय वर्ष ने प्रथम स्थान, वंश बीए प्रथम वर्ष ने दूसरा स्थान तथा अभिषेक बीकॉम प्रथम वर्ष ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में कनिका धीमान बीकॉम तृतीय वर्ष ने प्रथम स्थान, प्रीति ठाकुर बीकॉम तृतीय वर्ष ने दूसरा स्थान तथा प्रीति ठाकुर बीए द्वितीय वर्ष ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में लगभग 60 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर प्रो. विकास वमा, डॉ. सुषमा, प्रो. मीना, प्रो. रविंद्र, प्रो. शैलजा तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर जसपाल राणा उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य सत प्रकाश बंसल की अध्यक्षता में आज केंद्रीय छात्र संघ के पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण करने वालों में अध्यक्ष पद हेतु मुस्कान, अध्यक्ष भूगोल विभाग, कीर्ति शर्मा, जीव विज्ञान विभाग, नव्या शर्मा अंग्रेजी विभाग, आस्था गुप्ता विधि विभाग शामिल हैं। कुलपति ने अपने संबोधन में केंद्रीय छात्र संघ के पदाधिकारियों और विभागों के प्रतिनिधियों को बधाई दी और कहा कि आप सभी अपनी सकारात्मक सोच के साथ विश्वविद्यालय को आगे ले जाने के लिए अपना पूरा योगदान देंगे। यह एक शिक्षा का मंदिर हैं और ईश्वर मौका देता है किसी न किसी रूप में। उन्होंने कहा कि हम प्रयास करेंगे कि जितने भी विभागों के प्रतिनिधि हैं कि एक अकादमिक समिति आप लोगों की अध्यक्षता में बने, ताकि आप वहां पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव दे सकें। इस अवसर पर अधिष्ठाता अध्ययन आचार्य बीके शिवराम, मुख्य छात्रपाल आचार्य रोशन लाल झिंटा, डॉ. महेेंद्र ठाकुर, डॉ. अंजना ठाकुर, कई अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, निदेशक और छात्र इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने करवा चौथ पर महिलाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। प्रतिभा सिंह ने एक संदेश में कहा है कि करवा चौथ महिलाओं का एक ऐसा ब्रत व त्यौहार है जो पति पत्नी के पवित्र रिस्ते को मजबूती प्रदान करता है। सारा दिन निराहार रहकर महिलाएं अपने पति के दीर्घ आयु की कामना करती हंै, जो उनके अटूट विश्वास व आस्था का प्रतीक है।
-विजेता लड़कियों ने खुद ढोल बजाकर मनाया जीत का जश्न -स्कूल प्रिंसिपल ने कहा, यह स्कूल के लिए गौरव की बात जिला स्तरीय अंडर-14 और अंडर-19 खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऊना की छात्राओं ने दोनों वर्गों में जिला की ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की है। विद्यालय पहुंचने पर विजेता छात्राओं का बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया गया। ऑलओवर ट्रॉफी जीतने पर लड़कियों ने खुद ढोल बजाकर ट्रॉफी हाथ में उठाकर भंगड़ा डाला। लड़कियों द्वारा हाथों में मेडल लेकर एक पंक्ति में खड़े होकर संदेश दिया गया कि टीचर का तबादला होने के बाद भी उन्होंने हौसला नहीं छोड़ा और कड़ी मेहनत के दम पर जिला स्तर पर ऑलओवर ट्रॉफी अपने नाम की है। वहीं, स्कूल प्रिंसिपल ने कहा कि दोनों वर्गों में जिला की ओवरऑल ट्रॉफी प्राप्त करना विद्यालय के लिए बहुत ही गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की 12वीं कक्षा की छात्रा वंशिका वशिष्ठ का जूडो में राष्ट्रीय स्तर पर अंडर-17 और अंडर-19 में चयन हुआ है, जोकि विद्यालय के लिए बहुत ही गर्व की बात है।
-हरिपुर गांव के शिव व हनुमान मंदिर में दिखी अनोखी घटना कुनिहार के समीप कोठी पंचायत के गांव हरिपुर में शिव व हनुमान मंदिर में एक अनोखी घटना देखने को मिली। यहां एक बहुत पुराना भगवान शिव व हनुमान जी का मंदिर है। रविवार को मंदिर में पुजारी व पंडित पूजा पाठ कर रहे थे कि अचानक एक बड़ा सांप हनुमान मंदिर में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति से लिपट गया। पूजा-पाठ कर रहे पुजारी इतना बड़ा सर्प देखकर भयभीत हो गए। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के ग्रामीण इसे देखने के लिए मंदिर पहुंच गए और वहां भजन-कीर्तन व पूजा-अर्चना करने लगे। लोगों का कहना है कि मंदिर में नाग देवता के दर्शन किसी चमत्कार से कम नहीं है। कई घंटों मूर्ति से लिपटे रहने के बाद यह सांप जंगल की ओर चला गया।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में समग्र शिक्षा सोलन के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय कला उत्सव-2023 का आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत जिला प्रोजेक्टर ऑफिसर कम प्रिंसिपल डाइट सोलन डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि की। उनके साथ समग्र शिक्षा सोलन की समन्वयक मधु ठाकुर भी मौजूद रहीं। मंच का संचालन करते हुए शिवानी शर्मा ने मुख्य अतिथि और कला उत्सव में पधारे सभी अध्यापकों, जजों, बच्चों व अन्य का स्वागत किया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने सरस्वती मां के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय के बच्चों ने वन्दे मातरम, सरस्वती वंदना की प्रस्तुति पेश की। उसके उपरांत विद्यालय अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि को शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया। वहीं, मधु ठाकुर को विद्यालय प्रधानाचार्य व मुख्याध्यापिका द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मिनित किया गया। मधु ठाकुर ने इस जिला स्तरीय कला उत्सव और विभिन्न प्रकार के आयोजनों जैसे शास्त्रीय स्वर संगीत, पारंपरिक लोक स्वर संगीत, शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य, मधुर वाद्य संगीत, तालवाद्य संगीत, दृश्य कला 2-डी, दृश्य कला 3-डी, स्वदेशी खिलौने और खेल, नाटक एकल अभिनय के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस समारोह के समापन पर बीडीओ कुनिहार आकृति ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। ये रहे विजेता व उप विजेता शास्त्रीय एवं पारंपरिक लोक संगीत में भास्कर कपिल, रिया, गौरव शर्मा व हीना वर्मा, शास्त्रीय नृत्य और लोक नृत्य में सार्थक धीमान व साक्षी नौटियाल, करन व कृति, वाद्य संगीत और तालवाद्य में यश व भूमिका और चिराग, दृश्य कला 2-डी और दृश्य कला 3-डी में दिवंशु व गजल और गौरव मौर्या व मानसी ठाकुर, स्वदेशी खिलौने और खेल में सुमित व इश्प्रीत कौर, एकल नाटक में हिमांशु मिश्र व अक्षिता ने प्रथम तीन स्थान प्राप्त किए। वहीं, प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे छात्र व छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। अंत में बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने मुख्य अतिथि व सभी विद्यालयों से आए अध्यापकों और बच्चों का धन्यवाद किया और कहा कि बीएल पाठशाला कुनिहार के लिए यह गर्व की बात है कि यहां जिला स्तरीय कला उत्सव का आयोजन हुआ।
-विधायक गोमा ने ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया -सुजानपुर में अंडर-12 राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में मिला सम्मान सुजानपुर में आयोजित अंडर-12 राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में स्नेक मैन के नाम से मशहूर विधानसभा जयसिंहपुर आलमपुर के माथुर धीमान को साहसिक कार्यों के लिए किया सम्मानित किया गया। जेबीटी अध्यापक माथुर धीमान को विधायक यादविंदर गोमा द्वारा उनके साहसिक कार्यों के लिए ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बता दें कि माथुर धीमान अब तब तीन हजार से अधिक जहरीले सापों का रेस्क्यू कर उन्हें जंगलों में छोड़ चुके हैं।
डीएसपी देहरा अनिल कुमार ने वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नियमों की अवेहलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डीएसपी ने कहा कि दोपहिया वाहन चालक जब भी रास्ते पर चलें तो हेलमेट का प्रयोग करें, वहीं कार चालक सीट बेल्ट का इस्तेमाल सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार या बाइक चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों, ट्रिपल राइडिंग, अंडर एज ड्राइविंग, बिना हेलमेट, गलत दिशा में ड्राइविंग, ओवर स्पीड, बिना सीट बेल्ट गाड़ी चलाने करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। यातायात नियमों की अवहेलना करने की वजह से दूसरे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। डीएसपी ने कहा कि आमजन के साथ यातायात पुलिस कर्मचारियों को नम्रतापूर्वक व्यवहार कर उनका सहयोग लेकर यातायात-व्यवस्था को सुचारू बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट व खराब सड़कों को चिह्नित करें, ताकि संबंधित विभाग को अवगत कराकर उन्हें ठीक करवाया जा सके। डीएसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हम सब का नैतिक कर्तव्य है। अगर हर वाहन चालक जागरूक होकर ट्रैफिक नियमों का पालन करें तो वास्तव में सड़कों पर होने वाले हादसों पर काबू पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि निर्धारित आयु वर्ग से पहले वाहन चलाने से भी परहेज करना चाहिए। डीएसपी ने कहा कि शिक्षित वर्ग के लोग भी यातायात नियमों की अवहेलना करते हैं, जिसके कारण हादसों में बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने स्कूली बच्चों से कहा कि वो अपने घरवालों को भी यातायात नियमों के बारे में जागरूक करके अभियान में सहयोग करें। नियमों से अनजान युवा वर्तमान में हादसों का शिकार हो रहे हैं। वाहन चलाते समय कोई भी जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट का प्रयोग अवश्य करना चाहिए, ताकि बिना हेलमेट के बिना होने वाले हादसों में कमी आ सके वहीं उन्होंने कहा कि सड़क हादसों के ग्राफ में कमी लाने के लिए सड़क एवं यातायात के नियमों की जानकारी होना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सड़क पर अधिकांश दुर्घटनाओं के पीछे लापरवाही कारण होता है। ऐसे में यातायात के नियम चालकों को सही एवं सुरक्षित वाहन चलाने की सीख देते हैं। यातायात नियमों की जानकारी केवल वाहन चालकों को ही नहीं, बल्कि एक आम आदमी, एक राहगीर को भी होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशा करके कभी भी गाड़ी नहीं चलानी चाहिए। ऐसे लोग स्वयं तो काल का ग्रास बनते ही हैं साथ ही अन्य मासूम लोगों के लिए भी काल साबित होते हैं।
जयसिंहपुर विधानसभा के अंतर्गत जाने वाले नाहलना गांव की बेटी आदित्री ठाकुर ने चीन के शैपाई में आयोजित एशिया महिला रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीत करके जयसिंहपुर विधानसभा का नाम व अपने परिवार का नाम रोशन कर दिया है। आदित्री ठाकुर के पिता अशवनी ठाकुर चंडीगढ़ पीजीआई में नौकरी करते हैं व माता सपना ठाकुर चंडीगढ़ में ईएसआई हॉस्पिटल में नर्स है। आदित्री ठाकुर चंडीगढ़ मे रायन इंटरनेशनल स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती है। आदित्री ठाकुर आजकल अपने पैतृक गांव नाहलना में आयी हुई है, जिससे गांव में खुशी का माहौल बना हुआ है। आदित्री ठाकुर ने इस सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों व दादा गगन सिंह, दादी व माता- पिता को दिया है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोमवार शाम एम्स पहुंचे। उन्होंने यहां उपचाराधीन हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर से मुलाकात की और मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य के बारे में जाना। गहलोत ने सुखविंदर सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। बता दें कि मुख्यमंत्री अभी आईसीयू में हैं, स्वास्थ्य बेहतर होने के बावजूद गेस्ट्रोइंट्रोलॉजी विभाग के डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखा हुआ है। उनसे मिलने की किसी को इजाजत नहीं है।
वीरेंद्र चौपड़ा निवासी कुम्हारहट्टी ने थाना धर्मपुर में 28 अक्तूबर को शिकायत दर्ज करवाई थी कि 23 और 24 अक्तूबर की रात्रि को कोई अज्ञात व्यक्ति उनके व पड़ोसी चरणजीत सिंह के घर की गैलरी के शीशे व जाली तोड़कर उनके घर में घुस गया था। घर में घुसने के उपरांत इस व्यक्ति ने इनके घरों के सारे नल चुराकर ले गया, जिनकी कीमत करीब 23,000 रुपये है। चोर उनके घर से 20 हजार की नकदी भी चुराकर ले गया। जिस पर 25 अक्तूबर को थाना धर्मपुर में चोरी की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले में अन्वेषण के दौरान एक बाल अपचारी की संलिप्तता पाये जाने पर उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि इसने चुराये हुये नल सोलन में एक व्यक्ति को बेचे हैं। बाल अपचारी को रिमांड होम में भेजा गया है। उसकी निशानदेही पर 29 अक्तूबर को थाना धर्मपुर की एक टीम ने आरोपी नसीर अहमद तान्त्रे निवासी जम्मू को सोलन से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को पिछले कल अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। चोरी की गई नकदी की बरामदगी की जा चुकी है। मामले में आगामी जांच जारी है।
राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय संजौली में सोमवार को अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता शुरू हुई। इसमें 41 टीमें भाग ले रही हंै। यह पहली बार हो रहा है कि किसी भी अंतर महाविद्यालय स्पर्धा में इतनी टीमें भाग ले रही हैं। ज्यादा टीमें होने के कारण कॉलेज मेंं 3 कबड्डी कोर्ट का निर्माण किया गया। पहले दिन 33 मैच करवाए गए। 9 टीमों के मैच मंगलवार को करवाया जाएगा। क्वार्टर फाइनल मैच ऊना व सोलन, सीम व संजौली, बिलासपुर व पांवटा, मड़ी व धर्मशाला के बीच खेला जाएगा। इस खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. सीबी मेहता ने किया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. भारती भागड़ा ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया।
एलआर इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज, सोलन के बीएएलएलबी (हॉन्स) के छात्रों ने 30 अक्टूबर को सोलन के शामती स्थित समुदायक रेडियो स्टेशन का दौरा किया। इस दौरे के दौरान छात्रों ने रेडियो स्टेशन की कार्यपर्णाली को समझा। इससे छात्रों की रेडियो की कार्यप्रणाली की समझ बढ़ी। इस विजिट के दौरान छात्रों ने रेडियो स्टेशन प्रस्तुतकर्ताओं के साथ बातचीत की और उनसे अपनी जिज्ञासा भरे सवालों के उत्तर प्राप्त किए। संस्थान के प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. आरपी नेंटा व मेनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आरके गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि संस्थान के सभी छात्रों के सर्वांगीण विकास लिए इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करते रहते हंै।
-हाटियों के रिसर्च विंग ने दी सरकार को चेतावनी -कहा, लटकाऊ और भटकाऊ रवैया नहीं होगा बर्दाश्त -कानून लागू न कर भारतीय संसद और संविधान का हो रहा अपमान हिमाचल प्रदेश के गिरिपार क्षेत्र से जुड़ा अनुसूचित जनजाति मामला गरमा गया है। एसटी कानून लागू न होने से हाटी समुदाय में रोष बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में हाटी विकास मंच ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में संगठन की स्टूडेंट रिसर्च विंग के साथ संगोष्ठी आयोजित की। इसमें हाटी रिसर्च विंग ने सरकार को सख्त चेतावनी दी। इसमें कहा गया कि अगर संशोधित एसटी कानून तत्काल लागू न हुआ तो सिरमौर का छात्र वर्ग सड़कों पर उतरेगा। विंग के पदाधिकारियों ने कानून का क्रियान्वयन न कर इसे संसद और संविधान का अपमान करार दिया। संगोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार एवं हाटी विकास मंच के मुख्य प्रवक्ता डॉक्टर रमेश सिंगटा, मंच के अध्यक्ष प्रदीप सिंह सिंगटा, कानूनी सलाहकार एडवोकेट श्याम चौहान, हाटी संस्कृति के जानकार सुरेश सिंगटा मुख्य वक्ता रहे। हाटी पुरोधाओं ने कहा कि लटकाने अटकाने और भटकाने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार से संवाद के अभी तक सार्थक नतीजे सामने नहीं आए हैं। इसलिए अब आर पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेवजह मुद्दा लटका कर सियासी रोटियां सेंकने का काम कर ही है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हाटी अपने हकों के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। हाटी विकास मंच मामले को प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर उद्योग मंत्री और जनजातीय मामलों के मंत्री तक प्रमुखता से उठा चुके हैं, लेकिन कोई सार्थक पहल इस दिशा में सरकार की ओर से नहीं की गई है। नौकरियां पाने से हो रहे वंचित प्रदेश सरकार ने विभिन्न पदों पर नौकरियां विज्ञापित की हैं। संशोधित कानून बनने के बावजूद हाटी समुदाय से जुड़े छात्र इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। वे इन पदों के लिए बिना सर्टिफिकेट के फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं। इससे उनमें रोष बढ़ गया है। इस कार्यक्रम में मंच के अध्यक्ष प्रदीप सिंह सिंगटा, मुख्य प्रवक्ता डॉक्टर रमेश सिंगटा, हाटी रिसर्च विंग के संयोजक काकू राम, कपिल कपूर, हाटी मुकेश ठाकुर, सुरेश सिंगटा, समीर ठुंडू अधिवक्ता श्याम सिंह, अनुज चौहान, पवन ठाकुर, कपिल सिंगटा, नरेंद्र शंनकवान, रोहन तोमर, नीरज तोमर, पीयूष मयंक कपूर, जयपाल सिंह प्रकाश राणा, राकेश सिंगटा, अजय, संदीप शर्मा, देवदत्त शर्मा, सुरेश सिंगटा काकू राम, प्रवीण चौहान, विक्की ठाकुर, रविंद्र सिंह, योगेंद्र ठाकुर, अभिषेक ठाकुर, सुरेंद्र संजय नेगी, हाटी सचिन तोमर, विशाल ठाकुर, शोभित आदि उपस्थित रहे।
कुमारसैन पुलिस ने एनएच-5 पर चुल्लू पानी में पति-पत्नी को चरस तस्करी के आरोप में दबोचा है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों से 22.70 ग्राम चरस भी बरामद की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को सैंज चौकी के एएसआई मनमोहन कालिया अपने दलबल सहित एनएच-5 पर चुल्लू पानी में ट्रैफिक चेकिंग पर थे। इस दौरान सैंज से रामपुर की तरफ आ रही एक ऑल्टो कार एचपी35-6902 में सामने की सीट पर बैठी महिला ने पुलिस को देख कुछ कार से बाहर फेंका, जिसको देख पुलिस हरकत में आई और बाहर फेंके गए सामान की तलाशी ली, जिसमें 20.70 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी महिला की पहचान 40 वर्षीय सुनीता देवी व उसका पति 53 वर्षीय रोशन लाल पुत्र भागू राम गांव धराली डाकघर कमांद तहसील आनी जिला कुल्लू के तौर पर हुई है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 व 29 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है।
-राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव के प्रथम दिन बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत 30 अक्तूबर से 2 नवंबर तक किन्नौर जिला के रिकांगपिओ स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित किए जा रहे राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव-2023 के प्रथम दिन मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मेले एवं त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक होते हैं तथा आपसी सद्भाव व भाईचारा बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। शिक्षा मंत्री ने जिला किन्नौर की संस्कृति एवं अलौकिक सौंदर्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनजातीय जिला किन्नौर प्रकृति के सौंदर्य से भरपूर है। जिला किन्नौर अपनी समृद्ध संस्कृति, वेश-भूषा, खान-पान व पहरावे के लिए विश्व भर में प्रसिद्ध है। यहां के लोगों का जीवन कठिन होने के बावजूद भी लोगों में सरलता व विनम्रता होने के साथ-साथ सभी के प्रति आदर का भाव है जो जिला किन्नौर को अन्य जिलों से अलग बनाता है। उन्होंने कहा कि आज के इस बदलते परिवेश के उपरांत भी जिला किन्नौर के लोग अपनी मूल संस्कृति से जुड़े हैं तथा अपनी सांस्कृतिक धरोहरों, रीति-रिवाजों को कायम रखे हुए हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य की समृद्ध संस्कृति विशेषकर जनजातीय क्षेत्रों की संस्कृति के संरक्षण के लिए वचनबद्ध है तथा संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके अतिरिक्त प्रदेश सहित जनजातीय जिलों में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सेब की फसल को प्रति रुपये किलो के भाव से खरीदने का निर्णय लिया गया जो प्रदेश सहित जिला किन्नौर के बागवानों के हितकारी निर्णय है तथा किसान व बागवान लाभान्वित हो रहे हैं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदशर्नियों का अवलोकन भी किया तथा महोत्सव के दौरान आयोजित की जा रही विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ भी किया। उपायुक्त किन्नौर एवं अध्यक्षा मेला समिति किन्नौर तोरूल रवीश ने मुख्य अतिथि तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह व खतक भेंट कर स्वागत किया तथा महोत्सव में पधारने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने उपस्थित जनों को महोत्सव के दौरान होने वाली गतिविधियों से भी अवगत करवाया। इस दौरान हिमालयन पब्लिक स्कूल की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना भी प्रस्तुत की गई। इसके अलावा पाईनवुड पब्लिक स्कूल की छात्रा नायरा नेगी ने शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को आनंदित किया। मेले के प्रथम दिन पहाड़ी संध्या, किन्नौरी संध्या व प्रथम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया जिसमें जिला किन्नौर व प्रदेश के अन्य नामी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। प्रदेश के नामी कलाकार विक्की चौहान, तांतरा बॉयज व अभिज्ञा बैंड के कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन कर सांस्कृतिक संध्या का समा बांधा। इस अवसर पर रामपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक नंद लाल व पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल बतौर विशेष अतिथि उपस्थित रहे। इसके अलावा निदेशक, हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंक विक्रम सिंह नेगी, पूर्व जिला परिषद सदस्य श्री उमेश नेगी, पुलिस अधीक्षक विवेक चाहल सहित पंचायती राज संस्थाओं के जन-प्रतिनिधियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
-वाहन तक पहुंचने में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की ली मदद परागपुर के साथ लगते पुली इलाके में शुक्रवार देर शाम बाइक को टक्कर मारकर भागे वाहन की पुलिस ने पहचान कर ली है। पुलिस इसे जब्त कर देहरा थाने ला रही है। पुलिस परागपुर से लेकर रानीताल तक कई जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से वाहन तक पहुंची है। बताया जा रहा है कि यह वाहन कांगड़ा की किसी फर्म के नाम पर पंजीकृत है। बता देें कि हादसे के बाद से ही देहरा थाने के यातायात प्रभारी एएसआई रवि कुमार टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटे थे। गौरतलब है कि इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था। साथ ही सड़क किनारे चल रही एक महिला भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गई थी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया था।
बढल ठोर बस स्टैंड सड़क किनारे बिना वजह दिन भर खड़ी गाड़ियों के कारण यहां जाम लगना आम बात हो गई है। इस कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी तो हो ही रही है, साथ ही किसी बड़े हादसे का अंदेशा भी बना हुआ है। हालांकि समय-समय पर पुलिस भी ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कड़ा शिकंजा कसती आ रही है, बावजूद इसके न मानू की तर्ज पर कई बिगड़ैल चालक अपनी गाड़ियों को वहीं सड़क किनारे पार्क करके चले जाते हंै। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क से बढल ठोर से डाडा सीबा व तलवाड़ा के लिए बसें जाती हैं मसलन बस स्टैंड में बस के इंतजार में पहले ही सवारियां खड़ी रहती हैं और ऊपर से इसी सड़क पर उक्त गाड़ियां पार्क होने से बसें सवारियों को बिठाने के लिए खड़ी हो जाती हैं, जिससे वहां हमेशा हादसे का डर बना रहता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का हल किया। क्या कहते हैं एसएचओ इस संदर्भ मे देहरा थाना प्रभारी संदीप पठानिया ने बताया कि बढल ठोर सड़क किनारे बेवजह गाड़ियां खड़ी करना ठीक नहीं है। पुलिस गश्त के दौरान अगर यहां कोई भी गलत ढंग से गाड़ी पार्क की मिलती है तो ऐसे चालकों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी।
-अविनाश कपिला ने कहा, रामलीला के आयोजन से जुड़ेंगे समाज के लोग श्री रामलीला कमेटी ऊना के चेयरमैन प्रिंस राजपूत व अध्यक्ष अविनाश कपिला ने सोमवार को जारी एक प्रेस बयान में बताया कि श्री राम लीला कमेटी ऊना द्वारा गुरू का लंगर सेवा समित ट्रस्ट के अध्यक्ष व समाजिक, धार्मिक कार्यकर्ता अशवनी जैतिक को श्री राम लीला कमेटी ऊना का मुख्य संरक्षक नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि अशवनी जैतिक समाजिक व धार्मिक कार्यों में सदैव आगे रहते हंै। ऐसे में श्री रामलीला आयोजन में उनका मार्ग दर्शन मिलेगा। उन्होंने कहा कि रामलीला मंचन में हर वर्ष उनका सहयोग रहता है। उन्होंने कहा कि श्री रामलीला का आयोजन शहर का आयोजन है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का प्रयास रहता है, ताकि सभी बेहतर आयोजन में अपनी भमिका अदा कर सके। अविनाश कपिला ने कहा कि श्री रामलीला कमेटी को सभी पदाधिकारियों का बेहतरिन सहयोग मिलता है, जिसके चलते श्री रामलीला कमेटी ने अपनी भव्यता को बनाया है और भविष्य में और भी बेहतरिन आयोजन करने का प्रयास रहेगा। वहीं, श्री रामलीला कमेटी के नवनियुक्त मुख्य संरक्षक अशवनी जैतिक ने कहा कि श्री रामलीला कमेटी ऊना का आयोजन में भागीदार बनाने के लिए आभार है। उन्होंने कहा कि यह समाज के सहयोग का धार्मिक आयोजन है। जिसमें श्रीराम लीला कमेटी का आभार जो जिम्मेदारी देंगे उसका निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अविनाश कपिला, प्रिंस राजपूत व उनकी टीम लगातार बेहतरिन आयोजन कर रही है और लोगों को श्री राम की शिक्षाओं से जोडें़ने का बेहतर प्रयास कर रहे हंै, जोकि अपने आप में सराहनीय है।
पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि राज्य में पर्यटन अधोसंरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है और सैलानियों की सुविधा के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए शीघ्र ही टूरिस्ट हेल्पलाइन भी शुरू की जाएगी और इसे 1100 हेल्पलाइन से जोड़ने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क संपर्क के साथ-साथ हवाई सेवाएं भी सुदृढ़ की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रयास किया जा रहा है कि प्रदेश के पर्यटन गंतव्यों में पर्यटकों का अधिक दिन तक ठहराव हो, इसके लिए कि प्रदेश सरकार राज्य में ईको-टूरिज्म पर्यटन को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित कर रही है और इसके लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण वन क्षेत्रों में 11 ईको-पर्यटन स्थल चिन्हित किए गए हैं। इनमें पालमपुर वन मंडल में स्वार, सौरभ वन विहार, न्यूगल पार्क, बीड़-बिलिंग, पार्वती वन मंडल में कसोल, खीर गंगा व सुमारूपा, सिराज में सोझा, कोटगढ़ में नारकंडा और शिमला वन मंडल के तहत शोघी कैंपिंग स्थल व पोटर हिल कैंपिंग स्थल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटकों को वैश्विक स्तर की सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार वचनबद्ध है। इसी दिशा में अनेक नवोन्मेषी पहल की जा रही हैं। प्रदेशवासियों और पर्यटकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए चरणबद्ध तरीके से यू.वी.अल्ट्रा फिल्टरेशन तकनीक का उपयोग किया जाएगा।
-विधायक केवल सिंह पठानिया ने विजेता खिलाड़ियों की थपथापाई पीठ रैत में राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता में हाकी में सिरमौर ने अपना दबदबा कायम किया जबकि टेबल टेनिस में मंडी की छात्राएं पहले स्थान पर रहीं। सोमवार को राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए। इस अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा के लिए कारगर कदम उठा रही है तथा सभी विद्यालयों में खेल गतिविधियों के लिए आधारभूत संरचना भी विकसित की जा रही है ताकि प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर भी चरणबद्व तरीके से मैदानों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेलें जीवन का अभिन्न अंग हैं तथा खेलों के माध्यम से ही युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखा जा सकता है। इस प्रतियोगिता में 12 जिलों की 470 छात्राओं तथा 150 ऑफिशियल ने भाग लिया । विजेताओं को मिला सम्मान मुख्यातिथि केवल सिंह पठानिया ने इस खेलकूद प्रतियोगिता में हॉकी में विजेता रही सिरमौर जिला की छात्राओं तथा उपविजेता रही उना की छात्राओं को पुरस्कृत किया इसी तरह से टेबल टेनिस की विजेता मंडी तथा उपविजेता कांगड़ा, वेटलिफ्टिंग में विजेता ऊना, उपविजेता कांगड़ा, बॉक्सिंग में विजेता शिमला तथा उपविजेता मंडी जिबकि ताइक्वांडो में विजेता सिरमौर, उपविजेता हमीरपुर की टीम को पुरस्कृत किया इस प्रतियोगिता के ओवर आल चैंपियन माजरा स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीम को नवाजा गया। इससे पहले स्कूल के प्रधानाचार्य तथा ऑर्गेनाइजेशन सक्रेटरी अजय समयाल ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। एडीपीओ अतुल कटोच ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त तथा खेलकूद प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आये हुए स्टाफ का धन्यवाद किया तथा आभार जताया। इस अवसर पर स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस अवसर पर उपनिदेशक शिक्षा महेंद्र धीमान, अधिशासी अभियंता विद्युत अमन चौधरी, अधिशासी अभियंता जलशक्ति कैप्टन अमित डोगरा, बीडीओ रैत कंवर सिंह, प्रधानाचार्य अनिल जरयाल, शमशेर चौधरी, रिशु समयाल, नरेेंद्र, कुलदीप, खाद्य निरीक्षक सुरेश कुमार,प्रधान सिहवां अजय बबली, प्रदीप बलोरिया, कैप्टन जनमेज, कैलाश शर्मा, कुलभूषण, कुलदीप शर्मा, करतार चंद, विभिन्न स्कूलों के डीपी,पीटी, अध्यापक वर्ग, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
-डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस विभाग ने प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए लांच किया कांटेस्ट प्रदेश के युवाओं में सूचना एवं डिजिटल प्रौद्योगिकी के प्रति रुझान को बढ़ावा देने के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस विभाग ने नवोन्मेषी पहल की है। विभाग ने प्रदेश के निजी एवं सरकारी क्षेत्र के छठी कक्षा से लेकर महाविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए राज्य स्तरीय 'डिजिटल-इग्निशन कांटेस्ट' लांच किया है। यह प्रतियोगिता प्रदेश में डिजिटल माध्यम से आयोजित की जाने वाली अपनी तरह की अनूठी पहल है। सचिव, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस डॉ. अभिषेक जैन ने बताया कि मुख्य सचिव, प्रबोध सक्सेना ने आज यहां यह कांटेस्ट लांच किया। उन्होंने कहा कि युवा सृजनात्मक विचारों से परिपूर्ण होते हैं। इस कांटेस्ट के माध्यम से युवाओं की सृजनशीलता को प्रदेश की उन्नति और विकास में सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। डॉ. अभिषेक जैन ने कहा कि प्रौद्योगिकी के विकास से दुनिया भर में अनेक सकारात्मक बदलाव आये हैं। शिक्षा में सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग एक विकल्प से कहीं अधिक हो गया है। शिक्षा में सूचना प्रौद्योगिकी के उपयोग से विद्यार्थियों की क्षमता और दक्षता को भी बढ़ावा मिला है। उन्होंने बताया कि यह कांटेस्ट 01 नवम्बर से 10 नवम्बर तक आयोजित किया जाएगा। कांटेस्ट में भाग लेने के लिए छठी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को समृद्ध हिमाचल प्रदेश के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकी का उपयोग' विषय पर एक पीपीटी तैयार करनी होगी। नवमीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को 'शासन, डिजिटल साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा के लिए कृत्रिम मेधा (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का उपयोग' विषय पर प्रश्नोत्तरी सत्र और महाविद्यालय स्तर (12वीं कक्षा से ऊपर) के विद्यार्थियों को 'शासन में कृत्रिम मेधा का उपयोग' विषय पर एक अवधारणा नोट (कांस्पेट नोट) तैयार करना होगा। उन्होंने बताया कि कांटेस्ट के विजेताओं को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू बाल दिवस के अवसर पर पुरस्कृत करेंगे। हर वर्ग के प्रथम विजेता को पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, प्रथम उप-विजेता को 60 हजार रुपये और द्वितीय उप-विजेता को 40 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस कांटेस्ट में भाग लेने का आह्वान किया। इस कांटेस्ट में प्रतिभागिता के लिए इच्छुक छात्रों को पर अपनी प्रविष्टि दर्ज करनी होगी। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष संख्या 0177-2628914 पर प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक किसी भी कार्य दिवस पर सम्पर्क किया जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के प्रो. वाइस चांसलर डॉ. राजेंद्र वर्मा ने बायोसाइंसेज विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. राजेश जरयाल द्वारा संपादित पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक का शीर्षक पर्यावरण अंत:स्रावी विषाक्त पदार्थ हैजो किसीआरसी प्रेस, टेलर और फ्रांसिस, यूएसए द्वारा प्रकाशित की गई है। डॉ. जरयाल नेकिंग अब्दुल अजीज़ विश्वविद्यालय, सऊदी अरब और गुरु घासी दास विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ के वैज्ञानिकों क सहयोग से इस पुस्तक का संपादन किया है।
-निदेशक एवं प्रारक्षी मत्स्य ने दियोली स्थित कार्प फिश फॉर्म का किया निरीक्षण निदेशक एवं प्रारक्षी मत्स्य हिमाचल प्रदेश विवेक चंदेल ने जिला ऊना के दियोली स्थित कार्प फॉर्म का भ्रमण किया और फार्म पर की जाने वाली मत्स्य गतिविधियों का विस्तृत अवलोकन किया। इस दौरान सहायक निदेशक मत्स्य ऊना विवेक शर्मा व वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी गगरेट राम सिंह उपस्थित रहे। सहायक निदेशक मत्स्य, ऊना विवेक शर्मा ने फार्म पर किए जाने वाले मत्स्य प्रजन्न की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्प फार्म पर छ: प्रकार की मछलियों का प्रजन्न करवाया जा रहा है जिसमें इंडियन मेजर कार्प की तीन प्रजातियों में रोहू, कतला, मृगल तथा कॉमन कार्प व अमूर कार्प शामिल हैं। इसके अलावा सजावटी मछली में कोई कार्प मछली का प्रजन्न भी करवाया जा रहा हैं। निदेशक विवेक चंदेल ने फार्म पर स्थित चाइनींज हैचरी थी एफआरपी हैचरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विभागीय मत्स्य बीज फार्म, मत्स्य उत्पादन य मत्स्य कृषकों को मत्स्य पालन से जोड़ने के लिए अत्यंत जरूरी कड़ी हैं, तथा सभी मत्स्य कृषकों को उच्च किस्म का बीज उपलब्ध करवाना विभाग की जिम्मेदारी व कर्तव्य हैं। यदि मत्स्य पालकों का उच्च कोटि का बीज फार्म पर उपलब्ध होगा तभी उनका रूझान मत्स्य पालन की तरफ बढ़ेगा और इससे ज्यादा उत्पादन के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकेगा। विवेक चंदेल ने कहा कि आने वाले समय में फार्म पर मत्स्य प्रजन्न से संबन्धित सभी आधारभूत संरचनाओं की कमियों को समाप्त किया जाएगा। यह फार्म को पूर्ण सक्षमता के साथ चलाया जाएगा। उन्होंने फार्म पर स्थापित फीड मिल का निरीक्षण किया तथा तैयार किए गए मत्स्य आहार का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मत्स्य आहार को तैयार करने हेतू सभी स्थापित नियमों का पालन करने तथा संपूर्ण रूप से संतुलित व स्वच्छ आहार मछलियों के लिए बनाने और किसानों को भी निम्न दरों पर उपलब्ध करवाने को कहा। उन्होंने कहा कि पूर्ण रूप से संतुलित, स्वच्छ व पौष्टिक मत्स्य आहार, मत्स्य प्रजन्न व मत्स्य उत्पादन हेतु अत्यंत जरूरी कड़ी हैं। निदेशक विवेक चंदेल ने कहा कि ऊना जिला कार्प मत्स्य पालन में सबसे अग्रणी जिला बनने की क्षमता रखता है। इस बारे में सभी जरूरी कदम उठाए जाएं तथा ऊना जिला में कार्प मछली उत्पादन को बढ़ावा दिया जाए। इसके पश्चात उन्होंने फार्म पर हो रही निर्माण संबन्धी गतिविधियों का जायजा लिया तथा फार्म पर स्थापित किए जाने वाले उत्कृष्टता केंद्र तथा फार्म पर स्थापित इंस्पेक्शन हट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस फार्म को एक मॉडल फार्म के रूप में विकसित करने के लिए भरसक प्रयास किए जाए। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी समय में कोशिश की जाएगी कि फार्म पर स्टाफ की कमी को पूरा किया जा सके। इसके अलावा सहायक निदेशक मत्स्य ऊना ने निदेशक महोदय को जिला ऊना में की जा रही विकासात्मक गतिविधियों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अन्तर्गत किए जा रहे विकास कार्यों के बारे में भी जानकारी प्रदान की।
-विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की घोषणा -लंका दहन के साथ संपन्न हो गया अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के समापन पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने देवी-देवताओं की नजराने और दूरी भत्ते में पांच फीसदी की बढ़ोतरी की घोषणा की। इसके अलावा बजंतरियों के भत्ते में 10 प्रतिशत का इजाफा किया है। देवी-देवताओं की नजराना राशि और दूरी भत्ते में पांच फीसदी की बढ़ोतरी की घोषणा की। वहीं, सीपीएस सुंदर ठाकुर ने कहा कि कुल्लू के कलाकेंद्र में फोल्डिंग छत लगाई जाएगी। कहा कि जिला प्रशासन इसको लेकर एक प्रस्ताव तैयार करेगा और चाहे इसके लिए 50 करोड़ खर्च क्यों न करने पड़े। उधर, सोमवार को लंका दहन के साथ समापन हो गया है। लंका दहन में अधिष्ठाता रघुनाथ सहित करीब 50 देवी देवताओं ने भाग लिया। इसके लिए भगवान रघुनाथ दशहरा मैदान स्थित अपने अस्थायी शिविर से लेकर रथ में सवार होकर लंकाबेकर तक गए। हजारों लोगों ने रथ को खींचकर लाया। इस दौरान ढोल-नगाड़े, नरसिंगे, करनाल आदि वाद्यंयत्रों की स्वरलहरियों से पूरी घाटी गूंज उठी।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 अक्तूबर तथा प्रथम नवंबर को सोलन जिला के चायल फीडर के तहत आने वाले क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के अतिरिक्त अधीक्षण अभियन्ता राहुल वर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि 31 अक्तूबर तथा प्रथम नवंबर को टिक्कर, जेठना, जडयाल, घट्टी, नगाली आई पी एच, नेचर विला, चायल, ग्रीन वैली, मांजू प्राईम, एमराल्ड वैली, नंदना एस्टेट, डूबलू, हिन्नर, कुरगल, शकारग, कल्याणा, झाल, कनोरी, घेवा, टकराणा स्टेज वन एवं टू, कुरगल उठाऊ जलापूर्ति योजना, कानो, काली टिब्बा रिजोर्ट, सैनिक स्कूल चायल, एमईएस एवं आस-पास के क्षेत्रों में प्रात: 10.00 बजे सांय 5.00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि खराब मौसम अथवा अन्य कारणों से उपरोक्त निर्धारित तिथि एवं समय में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
-कहा, चारों नगर निगम आपदा से प्रभावित, नहीं हो रहे विकास कार्य नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि ढाई साल बीत जाने के बाद नियमानुसार मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव होने है लेकिन राज्य सरकार चुनाव नहीं करवा रही है। जिसकी वजह से चार नगर निगमों के सारे विकास कार्य रुके हुए हैं। सभी नगर निगम आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हैं और चुनाव न होने की वजह से एक भी काम उन क्षेत्रों में नहीं हो पा रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह सिफ़र् सरकार की नाकामी है। जिसके कारण लाखों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में मंडी, सोलन, धर्मशाला और पालनपुर नगर निगमों में सरकार की नाकामी के कारण मेयर और डिप्टी मेयर के बिना चल रही हैं। विकास के जो भी काम प्रस्तावित हैं, वो पूरी तरह से ठप्प पड़े हैं। मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव न करवा पाना प्रदेश सरकार की नाकामी है। नियमों के तहत इस पद को खाली नहीं रखा जा सकता। अब तो विधायकों के वोट को लेकर भी स्थिति स्पष्ट हो चुकी है, फिर भी सरकार यह चुनाव नहीं करवा रही है। इस प्रक्रिया में कोई बड़ा मतदान नहीं होना हैं। जिसमें बहुत वक़्त और संसाधनों की आवश्यकता होती हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आपदा की वजह से प्रदेश भर में भारी नुक़सान हुआ है। इस नुक़सान से उबरने और लोगों को राहत पहुंचाने के लिए ज़िम्मेदार संस्थाओं का सुचारू रूप से कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे में जब मेयर और डिप्टी मेयर जैसे अहम पदों पर कोई नहीं होगा तो राहत और पुनर्वास के काम प्रभावी तौर पर कैसे हो सकते हैं। मेयर किसी शहर का पहला नागरिक होता हैं।, उसके कार्यक्षेत्र में सभी प्रमुख कार्यों में उनकी अहम भूमिका होती है। जनता द्वारा चुने जाने के कारण जनता के पार्टी उनकी भी जवाबदेही होती हैं। ऐसे में उन्हें कार्य न करने देना लोकतांत्रिक व्यस्था का अपमान हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार हर तरफ़ से तानाशाही की तरफ़ बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण पदों पर चुनाव न करवाकर सरकार लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश के 5 नगर निगम सहित 60 शहरी निकायों को जारी ग्रांट इन एड से 76 करोड़ रुपए सरकार द्वारा वापस मांग लिया है। इससे त्रासदी के बाद पुनर्वास की योजनाएं बनाने में लगे शहरी निकायों की परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने ने कहा कि सरकार द्वारा जारी किए गए धन की आधी राशि वापस मांगना ग़लत है। सरकार द्वारा विकास के लिए जो पैसे भेजे गये थे, उस धनराशि से निर्धारित योजनाओं पर काम शुरू हो गए हैं। ऐसे में उस धनराशि को वापस मांगना हास्यास्पद है।
बल्क ड्रग पार्क से संबंधित सभी विकास परियोजनाओं में संबंधित विभागीय अधिकारी तीव्रता लाएं तथा निर्धारित समयावधि में पूरा करना सुनिश्चित करें ताकि राष्ट्रीय महत्व की इस परियोजना को अति शीघ्र पूरा किया जा सके। यह निर्देश मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश के प्रधान सलाहकार रामसुभग सिंह ने जिला मुख्यालय ऊना में जिला के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान दिए। उन्होंने बल्क ड्रग पार्क के लिए निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं, सड़क निर्माण कार्यों तथा विद्युत आपूर्ति के बारे में विशेष रूप से चर्चा की तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में जिला में बनने वाले लठियानी-मंदली पुल के अलावा शिक्षा तथा स्वास्थ्य विभाग से संबंधित परियोजनाओं बारे भी विस्तृत चर्चा की गई। इससे पूर्व उन्होंने पेखुबेला में बनने वाले सोलर पावर प्रोजेक्ट स्थल का भी दौरा किया तथा एचपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों से परियोजना से संबंधित विभिन्न पहलुओं बारे विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर उपायुक्त ऊना राघव शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त ऊना महेंद्र पाल गुर्जर, हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के निदेशक शिवम प्रताप सिंह व सहायक महाप्रबंधक विवेक वर्मा, एसडीम ऊना विश्व मोहन देव चौहान, एसडीम अंब विवेक महाजन, एसडीएम बंगाना मनोज कुमार के अलावा विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता अनिल सहगल, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता नरेश कुमार धीमान लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीएस राणा सहित कई अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
-मंत्री ने ठोडो मैदान में लड़कियों की अंडर-19 खेल प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित की जाने वाली खेलकूद प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखार कर उन्हें उच्च स्तर का खिलाड़ी बनाने में सहायक सिद्ध होती हैं। डॉ. शांडिल आज यहां ऐतिहासिक ठोडो मैदान में लड़कियों की 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की 64वीं राज्य स्तरीय लघु खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में सभी 12 जिलों एवं एक खेल छात्रावास की 538 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबाल, शतरंज और बैडमिंटन खेल आयोजित किए गए। डॉ. शांडिल ने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि जीत और हार को समझकर जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि इन्हीं खिलाड़ियों में से भविष्य के राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी उभरेंगे। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास तथा लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है और युवाओं को अंतिम लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सतत प्रयत्नशील रहना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि खेल हमें मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं। उन्होंने आग्रह किया कि युवा, योग एवं व्यायाम को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं और नशे से सदैव दूर रहें। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई देते हुए आशा जताई कि भविष्य में ऐसे और अधिक आयोजन खिलाड़ियों को सशक्त मंच प्रदान करेंगे। उन्होंने आयोजन समिति को अपनी एच्छिक निधि से 11000 रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की। डॉ. शांडिल ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। ये रहे विजेता और उप विजेता शतरंज में हमीरपुर जिला प्रथम और सोलन ज़िला द्वितीय स्थान पर रहे। बैडमिंटन में कांगड़ा जिला प्रथम और शिमला जिला द्वितीय स्थान पर रहे। खो-खो में सोलन ज़िला पहले तथा हमीरपुर ज़िला दूसरे स्थान पर रहे। कबड्डी में सोलन ज़िला पहले तथा सिरमौर ज़िला दूसरे स्थान पर रहे। वालीबॉल में शिमला पहले तथा कांगड़ा ज़िला दूसरे स्थान पर रहे। वालीबॉल की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खेल छात्रावास जुब्बल विजेता रहा। कबड्डी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सोलन जिला विजेता रहा। मार्च पास्ट में ज़िला मंडी प्रथम तथा ज़िला किन्नौर द्वितीय स्थान पर रहा। ओवरऑल चैंपियन का खिताब सोलन जिला को प्रदान किया गया।
राज्य में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से हर क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचा है। प्राकृतिक आपदाओं और आपातकालीन स्थिति से प्रभावशाली तरीके से निपटने के लिए प्रदेश सरकार संचार के बेहतर वैकल्पिक साधन विकसित करने पर बल दे रही है। आपदा की स्थिति में जब फोन और इंटरनेट जैसी संचार सेवाएं ठप हो जाती हैं तो इससे निपटने के लिए राज्य सरकार ने आपात स्थिति के दौरान वैकल्पिक संचार के लिए एक प्रभावी उपकरण के रूप में एमेच्योर रेडियो (हैम) को बढ़ावा देने को स्वीकृति प्रदान की है। इस पहल के तहत राज्य के प्रत्येक उप मंडल में कम से कम एक हैम रेडियो स्वयंसेवक बनाने की परिकल्पना की गई है। ये स्वयंसेवक किसी भी आपदा या आपातकाल की स्थिति में राज्य स्तर पर स्थापित आपातकालीन संचालन केंद्र और सभी जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों से जुड़कर वैकल्पिक संचार चैनल स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसका प्रभावशाली कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए, स्वयंसेवकों को पंजीकृत किया जाएगा और स्थापित मानदंडों के अनुसार एमेच्योर रेडियो के संचालन के लिए लाइसेंस भी दिए जाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार स्वयंसेवकों को आवश्यक उपकरण खरीदने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करेगी। आवश्यक उपकरणों की 80 प्रतिशत लागत का वहन सरकार द्वारा किया जाएगा तथा शेष 20 प्रतिशत लागत स्वयंसेवकों को वहन करनी होगी। इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार शैक्षणिक संस्थानों में नए हैम रेडियो क्लब स्थापित करने, मौजूदा हैम रेडियो क्लबों को मजबूत करने और स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण प्रदान करने में भी मदद करेगी। प्रशिक्षित एमेच्योर रेडियो ऑपरेटरों के कौशल का उपयोग आवश्यकता और आपात स्थिति के समय सार्वजनिक सेवा के लिए किया जा सकता है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि आपातकालीन संचार में एमेच्योर रेडियो का अत्यधिक महत्व है, क्योंकि जब टैलीफोन, मोबाईल फोन सहित अन्य पारम्परिक संचार सेवाएं बाधित हो जाती हैं तो यह रेडियो स्टेशन सूचना सम्प्रेषण में उपयोगी हो सकते हैं। लम्बी दूरी तय कर सकने की इनकी क्षमता के कारण यह आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं तथा अमूल्य जीवन बचाया जा सकता है। संचार प्रणाली ठप्प होने की स्थिति में इसके माध्यम से आवश्यक सूचनाएं प्रेषित की जा सकती हैं जिससे आपदा के कारण होने वाली क्षति को भी कम किया जा सकता है। आपदा के दौरान स्रोत व्यक्ति, आपातकालीन प्रबंधन से जुड़े लोगों और आपदा प्रभावितों के बीच आपसी सम्पर्क बेहद अहम होता है। मुख्यमंत्री का कहना है कि बारिश और सर्दियों के मौसम के दौरान लाहौल-स्पीति, चंबा और किन्नौर जैसे जनजातीय जिलों सहित कई क्षेत्रों में संचार प्रणाली अक्सर ठप्प हो जाती है। ऐसी परिस्थितियों में, संचार के वैकल्पिक साधन के रूप में हैम रेडियो की भूमिका और भी बढ़ जाती है। इसलिए, राज्य सरकार ने भविष्य की चुनौतियों के दृष्टिगत आपातकालीन संचार के एक प्रमुख उपकरण के रूप में हैम रेडियो को बढ़ावा देने का निर्णायक कदम उठाया है।
-डिप्टी सीएम ने कमेटी अध्यक्ष अविनाश व टीम की सराहना की श्री रामलीला कमेटी ऊना ने श्री रामलीला मंचन व दशहरा के सफल आयोजन में दिए गए सहयोग के लिए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया है। श्री रामलीला कमेटी के चेयरमैन प्रिंस राजपूत व अध्यक्ष अविनाश कपिला के नेतृत्व में श्री रामलीला कमेटी ऊना की टीम ने विश्राम गृह ऊना में पहुंचकर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ मुलाकात की। श्री रामलीला व दशहरा को लेकर उन्हें जानकारी दी। वहीं श्री रामलीला कमेटी की तरफ से स्मृति चिन्ह, शॉल व सरोपा पहनाकर उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष रणजीत राणा, हरोली कांग्रेस के अध्यक्ष विनोद बिट्टू, प्रदेश कांग्रेस के सचिव अशोक ठाकुर, पंकज दत्ता, मेहताब ठाकुर को भी श्री रामलाल कमेटी की ओर से सिरोपा दिया गया। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने श्री रामलीला कमेटी ऊना द्वारा लंबे समय से व्यवस्थित व अनुशासनात्मक तरीके से करवाए जा रहे आयोजन के लिए बधाई दी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि श्री रामलीला कमेटी ऊना ने श्री रामलीला मंचन व दशहरे की भव्यता को बढ़ाया है और इसका भव्य रूप देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में प्रशासन के द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई है,भविष्य में और अधिक सहयोग दिया जाएगा, ताकि यह आयोजन और भव्यता के साथ आयोजित हो। मुकेश अग्निहोत्री ने श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अविनाश कपिला द्वारा समर्पण भाव से करवाए जा रहे हैं इस आयोजन के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि श्री रामलीला कमेटी ऊना इस आयोजन से श्री राम की लीलाओं के साथ जहां जनता को जोड़ कर रखने का काम कर रही है, वही युवा पीढ़ी को भी श्री राम की शिक्षाओं से परिचित करवाया जा रहा है ,जो कि सराहनीय है ।इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अविनाश कपिला उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया ।उन्होंने कहा कि यह जिला ऊना का आयोजन है, शहर वासियों के सहयोग से यह आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इसकी भव्यता और बड़े इसके लिए बेहतर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री रामलीला कमेटी के सभी सदस्यों, पदाधिकारी व कलाकारों की मेहनत का परिणाम है कि हम अच्छा आयोजन कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष वृंदावन से श्री मधुर बिहारी रास मंडल के संस्थापक जय प्रिया शरण व कथा व्यास विष्णु शर्मा व उनकी टीम ने बेहतरीन रामलीला मंचन किया है जिसको सब ने सराहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में और बेहतर करने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी ऊना के मुख्य संरक्षक अश्विनी जेतिक, राजिंदर वशिष्ठ,महामंत्री डॉ सुभाष शर्मा,सलाहकार हरि ओम गुप्ता ,मास्टर चमन लाल चौधरी, राजीव भनोट,एमएल शर्मा, संजय कोहली,पवन कालिया, विजय पुरी, राजा मक्कड़, रजत कोहली, गणेश साम्भर,मिन्हास, ओंकार कपिला, गोपाल कृष्ण, तिलक राज मैहरा, ठाकुर मनमोहन सहित अन्य उपस्थित रहे।
-3 घंटे के भीतर इंजेक्शन लगा दिया जाए तो स्वस्थ हो जाता है रोगी -कहा, सभी जिला स्तरीय अस्पतालों में नि:शुल्क उपलब्ध है यह इंजेक्शन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि स्ट्रोक (पक्षाघात) जैसे गंभीर रोग के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है, ताकि सभी इस रोग के कारण और निवारण के विषय में जागरूक हो सकें। डॉ. शांडिल आज एमएस पंवार संचार एवं प्रबंधन संस्थान, सोलन में इस विषय पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला को सम्बोधित कर रहे थे। कार्यशाला का आयोजन अली यावर जंग नेशनल इंस्टीच्यूट आफ स्पीच एवं हियरिंग डिस्एबिलिटीज तथा एमएस पंवार संचार एवं प्रबन्धन संस्थान, सोलन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। डॉ. शांडिल ने कहा कि चिकित्सा जगत के अनुसार स्ट्रोक जैसे रोग में समय अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्ट्रोक की स्थिति में रोगी को तुरंत अस्पताल पहुंचाना आवश्यक है। यदि रोगी को 3 घंटे के समय के भीतर इस रोग के उपचार के लिए उपलब्ध इंजेक्शन लगा दिया जाए तो रोगी को स्वस्थ किया जा सकता है। यह इंजेक्शन प्रदेश के सभी जिला स्तरीय अस्पतालों में नि:शुल्क उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि स्ट्रोक जैसे रोग में रोगी को समय पर अस्पताल पंहुचाना और तुरंत उपचार उपलब्ध करवाना जीवनदायक सिद्ध होता है। लोगों को स्ट्रोक के लक्षणों एवं उपचार बारे जागरूक करें स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि विभिन्न स्तरों पर मेलों इत्यादि के आयोजन में लोगों को स्ट्रोक के लक्षणों, उपचार एवं समय के मूल्य के विषय में जागरूक बनाएं। उन्होंने कहा कि सावधानी में ही बचाव है और ऐसे विषयों में जन जागरूकता में मीडिया का रोल अत्यन्त महत्वपूर्ण है। पक्षाघात वैश्विक स्तर पर दिव्यांगता का एक प्रमुख कारण है। आंकड़ों के अनुसार 90 प्रतिशत मामलों में इससे बचा जा सकता है। इससे संबंधित कुछ जोखिम कारकों को कम करके इसे नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने ऐसी बीमारियों से बचाव के लिए नियमित ध्यान एवं योग का आग्रह किया। डॉ. शांडिल ने स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य सम्बद्ध विभागों से आग्रह किया कि वह स्ट्रोक से बचाव के प्रचार-प्रसार के लिए एक व्यापक रणनीति तैयार करें और लोगों में अपना संदेश पहुंचाने के लिए रेडियो, टेलीविजन सहित सोशल मीडिया प्लेटफार्म का भी समुचित उपयोग सुनिश्चित बनाएं। अली यावर जंग नेशनल इंस्टीच्यूट आफ स्पीच एवं हियरिंग डिस्एबिलिटीज़ के मास मीडिया प्रमुख डॉ. मैथ्यू मार्टिन ने इस एक दिवसीय कार्यशाला की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साई संजीवनी अस्पताल के प्रमुख डॉ. संजय अग्रवाल ने सरल शब्दों में स्ट्रोक के कारण, निवारण और इस रोग के प्रबन्धन में त्वरित कार्यवाही की जानकारी प्रदान की। उन्होंने मोबाईल एप 'एचपी टेली स्ट्रोकÓ की जानकारी भी प्रदान की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल ने कहा कि चेहरे में बदलाव, बोलने में परेशानी, हाथ-पैर में सुन्नपन अथवा कमज़ोरी, सिर दर्द जैसे लक्षण होने पर अविलम्ब अपने समीप के अस्पताल जाएं ताकि समय पर उपचार आरम्भ हो सके। उन्होंने कहा कि रक्तचाप एवं मधुमेह जैसी बीमारियों के नियमित परीक्षण से स्ट्रोक सहित अन्य गम्भीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिला में गैर संक्रामक रोगों की स्क्रीनिंग के लिए घर-घर जाकर जानकारी एकत्र की जा रही है। उन्होंने इन टीमों को सहयोग देने का आग्रह किया।
-भ्रष्टाचार के खिलाफ नारे लगाकर लोगों को किया जागरूक ऊना जिला मुख्यालय में आज सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत स्कूली बच्चों ने रैली निकाली। यह रैली बॉयज स्कूल ऊना से शुरू की गई, जो कि बाजार से होते हुए गुजरी। लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूली बच्चों ने भ्रष्टाचार के विरोध में नारे लगाए। रैली में स्कूली बच्चों ने लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर सामने आने की अपील भी की, ताकि समाज को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जा सके।
-पंजाब के तीन व्यक्ति गिरफ्तार, 7 मोबाइल फोन व 2 लैपटॉप जब्त सोलन पुलिस ने कनाडा का वीजा लगाने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस को इस सेंटर की संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूत्रों से सचूना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने 27 अक्तूबर को धर्मपुर अस्पताल रोड पर अवैध रूप से चलाए जा रहे इस कॉल सेंटर में रेड डाली। यहां एक बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल में एमएस/ स्टोन इंटरप्राइज प्रोप. गुरप्रीत सिंह निवासी बंठिडा, पंजाब के नाम पर थ्री रूम सेट 14 जून से किराये पर ले रखा था। कॉल सेंटर में 3 लड़के मौजूद थे, जोकि बठिंडा के रहने वाले हैं। तीनों से थ्री रूम सेट किराये पर लेकर काम करने बारे पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वे तीनों कनाडा जाने के इच्छुक लोगों का वीजा लगाने का काम करते हैं। इसके लिए उन्होंने 7 मोबाइल फोन व 2 लैपटॉप रखे हैं तथा इस काम के लिए 4 स्थानीय लड़कियों को भी रखा हुआ है। इस कार्य के लिए सरकार द्वारा कोई रजिस्ट्रेशन नहीं करवाई है। वहीं, पुलिस द्वारा 7 मोबाइलों व 2 लैपटॉप को कब्जे में ले लिया गया है। अभी तक की जांच में पाया गया कि इन आरोपियों ने हजारों लोगों से संपर्क स्थापित किया और इनके पास से बरामद की गई पांच नोटबुक्स में 600 से ज़्यादा लोग ऐसे पाये गये, जिनसे करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने तीनों व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय एसएफआई इकाई ने आज परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपा। परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया। इसमें पहली मांग लंबे समय से पीजी की परीक्षा हुए हैं, उनका रिजल्ट अभी तक नहीं आया है मुख्य रूप से इस में पीजी और बीएड के अंतिम स्मेस्टर के रिजल्ट को लेकर परीक्षा नियंत्रक को अवगत कराया गया। एसएफआई ने मांग रखी कि इन रिजल्टों को जल्द निकाला जाए, क्यूंकि हाल ही में पीजीटी की जो परीक्षा होनी है वे छात्र भी उसमें अपीयर हो सकें। साथ ही एसएफआई पिछले लंबे समय से मांग कर रही है विश्विद्यालय में जो ईआरपी सिस्टम काम कर रहा है उसमें जो खामियां हैं, उनको ठीक किया जाए। जब हिमाचल प्रदेश विश्विद्यालय में यह सिस्टम लाया गया था तो उस समय छात्रों को ये भरोसा दिलाया गया कि उनका रिजल्ट इस प्रणाली से जल्द से जल्द निकाला जाएगा, लेकिन आज के समय में छात्रों के लिए सबसे बड़ी समस्या ईआरपी सिस्टम बन चुका है। अगर छात्रों के इन मांगो का जल्द से जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में एसएफआई ईआरपी सिस्टम और विश्विद्यालय प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी, जिसका जिम्मेवार विश्विद्यालय का प्रशासन होगा।
-उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की सेवा की शुरुआत -चिंतपूर्णी ट्रस्ट व जिलाधीश के प्रयासों को सराहा विश्व भर में प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी से श्रद्धालु अब घर बैठे प्रसाद व मां चिंतपूर्णी का स्वरूप मंगवा सकते हैं। चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट द्वारा यह नई सुविधा श्रद्धालुओं के लिए शुरू की गई है। इस नई सेवा का शुभारंभ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने स्थानीय विश्राम गृह में किया। इस अवसर पर चिंतपूर्णी ट्रस्ट के अध्यक्ष व जिलाधीश ऊना राघव शर्मा ने प्रसाद व मां चिंतपूर्णी के स्वरूप के स्मृति चिन्ह का अवलोकन उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को करवाया। वहीं, उनके माध्यम से इस सेवा की शुरुआत करवाई। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मां चिंतपूर्णी के दरबार को भव्य रूप प्रदान किया जा रहा है, बेहतर व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं को मिले इसके लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है, इसके लिए धार्मिक स्थलों के लिए परिवहन निगम की बस से चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खाटू श्याम के लिए बस चलाई गई है। वहीं, अब अयोध्या के लिए भी परिवहन निगम जल्द बस चलाएगा। उन्होंने कहा कि मां चिंतपूर्णी मंदिर के विस्तार को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए 3-डी दर्शन की सुविधा भी उपलब्ध उन्होंने कहा कि 3-डी दर्शन की सुविधा भी श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवा दी गई है। सुगम दर्शन योजना सफलता से चल रही है जिसके माध्यम से एक करोड़ से ज्यादा चिंतपूर्णी मंदिर को श्रद्धालुओं से प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बड़े स्तर पर यह मांग भी रही है की मां चिंतपूर्णी का प्रसाद ऑनलाइन मिल सके। मां चिंतपूर्णी जी का स्वरूप मिल सके। उन्होंने कहा कि इसके लिए मां चिंतपूर्णी ट्रस्ट के अध्यक्ष व जिलाधीश ऊना राघव शर्मा ने बेहतरीन प्रयास किया है 1100 रुपये में ऑनलाइन घर बैठे मां चिंतपूर्णी का प्रसाद मंगवाया जा सकता है, जिसकी पैकिंग बेहतर डिब्बे में कई गई है, प्रसाद योजना के तहत इसमें मां की चुन्नी, प्रसाद, भोग व चरणामत सभी श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध रहेगा।उन्होंने कहा कि यही नहीं मां चिंतपूर्णी का स्वरूप स्मृति चिन्ह के रूप में बनाया गया है। यह भी ऑनलाइन मंगवाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार ऐसा प्रयास है जिससे श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के मंदिर के स्मृति चिन्ह को अपने घर में स्थापित कर सकते हैं, प्रसाद घर बैठे मंगवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मां चिंतपूर्णी ट्रस्ट की तरफ से श्रद्धालुओं के लिए बेहतरीन व्यवस्थाएं की जा रही है और आने वाले समय में सुविधाओं में और इजाफा किया जाएगा। प्रसाद व स्मृति चिन्ह के लिए लगेगा काउंटर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि मां चिंतपूर्णी ने ट्रस्ट के अध्यक्ष जिलाधीश ऊना ने बताया है कि ऑनलाइन प्रसाद व समिति चिन्ह के अलावा प्रसाद व स्मृति चिन्ह मां चिंतपूर्णी मंदिर से भी प्राप्त किया जा सकता है। इसके लिए विशेष काउंटर मां चिंतपूर्णी मंदिर में स्थापित किया जा रहा है। यहां से श्रद्धालु प्रसाद व स्मृति चिन्ह ले सकते हैं।
-मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए अंशदान भी दिया हरोली विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक रहे स्व. कश्मीरी लाल जोशी के पुत्र व भाजपा के नेता विनोद कुमार जोशी ने रविवार को कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में आस्था जताते हुए विनोद जोशी ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। वहीं, आपदा प्रबंधन में प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे बेहतर कार्यों से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए विनोद जोशी ने अंशदान भी दिया, जिसका चेक उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को सौंपा। जिला कांग्रेस के अध्यक्ष रणजीत राणा व हरोली कांग्रेस के अध्यक्ष विनोद बिट्टू ने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की उपस्थिति में विनोद जोशी द्वारा कांग्रेस पार्टी का दामन थामने पर स्वागत किया। वहीं इस मौके पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व विधायक स्वर्गीय कश्मीरी लाल जोशी का हरोली क्षेत्र के विकास में अहम योगदान रहा है। प्रदेश की राजनीति में अहम स्थान रहा, जिला की राजनीति में उनका उच्च स्थान रहा है। उन्होंने कहा कि उनका आशीर्वाद भी उन्हें मिला, उनके पुत्र विनोद जोशी कांग्रेस पार्टी में आए हैं, इन्हें पूरा मान सम्मान कांग्रेस पार्टी में दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य विकास है और विकास के काफिले को आगे बढ़ाने में सब का सहयोग लेना हमारा दायित्व भी है और विनोद जोशी का सहयोग भी लिया जाएगा। वहीं, विनोद जोशी ने कहा कि परिवार ने लंबे समय तक भाजपा की सेवा की है। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं लंबे समय से भाजपा से जुड़ा रहा हूं, लेकिन अब वहां कार्यकर्ता की कदर नहीं है। कार्यकर्ता को दूसरे दर्जे में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यालय बना, वहां जिला अध्यक्ष के नाते उनके पिता का फोटो नहीं लगाया गया। यह कहा गया कि उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी। उन्होंने कहा कि जब अध्यक्ष बने तब तो भाजपा में थे। उन्होंने कहा कि ऐसी बातें संकीर्ण मानसिकता का परिचय भाजपा में बन गई है। उन्होंने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री बेहतर काम कर रहे हैं। विकास को आगे बढ़ा रहे हैं उनके नेतृत्व में हरोली विधानसभा क्षेत्र आगे होगा और आगे बढ़े जिला ऊना को नई पहचान राजनीतिक क्षेत्र में मुकेश अग्निहोत्री ने दी है। उन्होंने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री जो भी जिम्मेदारी देंगे, उसका निर्वहन करुंगा, मेरा लक्ष्य विकास को आगे बढ़ाने के मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों को और गति देना है। उन्होंने कहा कि सभी के साथ मिलकर के आगे बडूंगा और पार्टी नेतृत्व की नीतियों के अनुसार कार्य करेंगे।
विश्व हिंदू परिषद चंडीगढ़ ने आज महाजन भवन सेक्टर 37 चंडीगढ़ में सभी समाज के व्यक्तियों को एकत्रित कर समरसता युक्त हिंदू समाज अपना दृष्टिकोण संगोष्ठी कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें कार्यक्रम अध्यक्ष बलजीत सिंह संधू आईपीएस, पूर्व डीजीपी हरियाणा, मुख्य अथिति डॉ. देव सिंह अद्दति धर्मगुरु योगी छोटू नाथ मिया मंडल वाले, प्रेम शम्मी अध्यक्ष उत्तर भारत अनुसूचित जन जाति भलाई संगठन, मुकेश जी खांडेकर उत्तर क्षेत्रीय संगठन मंत्री, पंजाब प्रांत मंत्री सुनील, पंजाब प्रांत संगरक्षक कर्नल धर्मवीर और विनायक राय देशपांडे और केंद्रीय संगठन मंत्री विश्व हिंदू परिषद का विशेष रूप से उद्धोधन प्राप्त हुआ। इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री अंकुश गुप्ता ने बताया कि इस पहल में सभी उपस्थिति प्रमुखों ने जुड़ाव और सभी पंथों, मठों के प्रमुखों ने यह संकल्प बढ़ाया है कि हम सभी जात बिरादरी, भेदभाव को मिटा कर एकता बनाकर सनातन का प्रचार करेंगे। इस मौके पर विभाग मंत्री प्रदीप शर्मा ने कार्यक्रम अध्यक्ष एवं मुख्य वक्ता को स्मृति चिन्ह भेंट कर धन्यवाद किया। इस कार्यक्रम में विहिप से विशेष रूप से चंडीगढ़ विभाग मंत्री प्रदीप शर्मा, जिला मंत्री अंकुश गुप्ता, उपाध्यक्ष दविंदर सिद्धू, बजरंगदल संयोजक राकेश उप्पल, गो रक्षा सहमंत्री पंजाब प्रांत अनुज कुमार सहगल, कोषाध्यक्ष राकेश चौधरी, विद्यार्थी प्रमुख संयम, राजन, सुरक्षा प्रमुख गौरव, मनदीप, सुनील बागड़ी, रविंद्र, अलका, अनूप सरीन, राकेश शर्मा, दीपक शर्मा एवं विभिन्न समाज के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
थाना देहरा की संसारपुर टैरस चौकी के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र में कमरे में युवक की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मदन लाल (३२) पुत्र गुरबख्श सिंह निवासी मलहोट तहसील झंडुता, जिला बिलासपुर, संसारपुर टैरस में औद्योगिक क्षेत्र में दुकान करता था व सुबह १० बजे के करीब वो दुकान से अपने कमरे पर चला गया। शाम करीब पांच बजे तक भी वो दुकान पर नहीं आया तो उसके आसपास के लोगों ने जब उसके कमरे पर जाकर देखा तो वो कमरे में मृत पड़ा मिला। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना संसारपुर टैरस पुलिस को दी। वहीं, पुलिस इंचार्ज एएसआई संजीव कुमार व टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। संजीव कुमार ने बताया कि कमरे में बिजली की तारें पड़ी थीं व युवक के हाथ पर करंट लगा है। वहीं, एसएचओ देहरा संदीप पठानिया ने बताया कि प्रथम दृष्टयता में मौत की वजह करंट लगना हो सकती है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारणों की पुष्टि होगी। उन्होंने कहा कि युवक का शव कल पोस्टमार्टम के लिए देहरा भेजा जाएगा।
संसारपुर टैरस चौकी के तहत ग्राम पंचायत रिडी कुठेड़ा में कुठेड़ा के समीप एक मोटरसाइकिल सड़क किनारे खंभे से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक को गंभीर अवस्था में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार शाम को दो युवक मोटरसाइकिल पर चिंतपूर्णी से संसारपुर टैरस की तरफ आ रहे थे कि रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल एक खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों युवकों सुनील कुमार (34) पुत्र कालीदास, निवासी ईच्छी कांगड़ा व सुनील कुमार (28) पुत्र यशपाल सिंह निवासी माहला जंडौर को बीबीएमबी अस्पताल तलवाड़ा पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने सुनील कुमार पुत्र कालीदास को मृत घोषित कर दिया।
एसआईएसलिआरटीए बिलासपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड एवं सिक्योरिटी सुपरवाईजर के 100 पदों को भरने के लिए 31 अक्तूबर एवं प्रथम नवंबर को कैम्पस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी सोलन संदीप ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि सिक्योरिटी गार्ड एवं सिक्योरिटी सुपरवाईज़र के 50 पदों को भरने के लिए 31 अक्तूबर को उप रोज़गार कार्यालय अर्की में प्रात: 10.30 बजे तथा सिक्योरिटी गार्ड एवं सिक्योरिटी सुपरवाईज़र के 50 पदों को भरने के लिए प्रथम नवंबर को उप रोज़गार कार्यालय कसौली में प्रात: 10.30 बजे कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उक्त पदों की विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक विभागीय पोर्टल EEMIs पर लॉगइन कर सकते हैं।


















































