प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह 22 से 25 अक्टूबर से अपने संसदीय क्षेत्र मंडी के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह रामपुर, मंडी व कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव अमित पाल सिंह ने बताया कि प्रतिभा सिंह 22 अक्टूबर को सुबह 9.30 बजे शिमला से रामपुर बुशैहर के लिए रवाना होंगी। दोपहर बाद 3 बजे धार गौरा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में अंडर-19 छात्रओं के जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के सम्मापन समारोह की अध्यक्षता करेंगी। इसके उपरांत 5.30 बजे सराहन में माता भीमा काली मंदिर के प्रांगण में वाचनालय का उदघाटन करेगी। इस दौरान उनके साथ प्रदेश लोक निर्माण एवं युवा खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी साथ होंगे। इस दिन रात्रि विश्राम सराहन रहेगा। 23 अक्टूबर को प्रतिभा सिंह सुबह 6 बजे सराहन से बाया जलोड़ी जोत होते हुए मण्डी के लिये रवाना होंगी। मण्डी में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ आपदा प्रभावित लोगों को राहत राशि वितरण समारोह में भाग लेंगी। इस दिन रात्रि विश्राम लोक निर्माण विभाग साराभाई विश्राम गृह रहेगा। 24 अक्टूबर को ही प्रतिभा सिंह कुल्लू के ढालपुर मैदान में अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के शुभारंभ समारोह में उपस्थित रहेगी। इस दिन भी रात्रि विश्राम साराभाई विश्राम गृह ही रहेगा। 25 अक्टूबर को ढालपुर मैदान में देवी देवताओं के दर्शनों के बाद रात्रि में श्री रघुनाथ जी की पूजा में हिस्सा लेंगी। इस दिन भी रात्रि विश्राम साराभाई विश्राम गृह ही रहेगा।
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने फिलीस्तीन की गाजा पट्टी पर इजरायल के जवाबी हमलों की कड़ी निंदा की है। साथ ही इस अमानवीय कृत्य पर तुरंत रोक की पुरजोर मांग की है। इस मुद्दे पर पार्टी द्वारा उपायुक्त कार्यालय शिमला के बाहर प्रदर्शन किया गया तथा मांग उठाई गई कि इस टकराव को तुरंत बंद किया जाना चाहिए। इस प्रर्दशन में राज्य सचिव ओंकार शाद, कुलदीप तंवर, जिला सचिव संजय चौहान, राज्य कमेटी सदस्य फाल्मा चौहान, जगमोहन ठाकुर, राजिंदर चौहान, सत्यवान पुंडीर, राम सिंह, बालक राम, रीना तंवर, अनिल ठाकुर, विनोद बिसरांटा, विजय कौशल, अमित, हिम्मी, रमाकांत मिश्रा, सोनिया, सीना, रमन थारटा, हरीश, सुरजीत, सन्नी सेकटा, संतोष, अंकुश, कमल आदि ने भाग लिया। इस ताजा टकराव के चलते पिछली 14 दिनों से आ रही खबरों के अनुसार कुल 4900 के करीब लोगों की जान चली गई है और 13300 के करीब लोग घायल हुए हैं। गाजा में अब तक 3785 लोगों की मौत हुई है। इनमे 1524 बच्चे व 120 बुजुर्ग शामिल हैं। 12493 लोग घायल हुए हैं। इसमें 4000 से अधिक बच्चे हैं। मंगलवार 17 अक्टूबर को गाजा के अस्पताल पर किए गए एक रॉकेट हमले में 500 से अधिक लोगों की जान गई है। पहले ही इजराइल फिलीस्तीन के बीच चल रहे टकराव में अनेकों जाने जा चुकी हंै और अब इस ताजा टकराव से हालत और बिगड़ गई है और अधिक मौते ंहोंगी और तकलीफ पैदा होगी। इजराइल गाजा में नाकाबंदी कर दी गई है और अब हवाई हमलों के साथ जमीनी युद्ध की तैयारी भी कर रहा है। कई क्षेत्रों में पानी, बिजली, खाद्य वस्तुओं व अन्य मानवीय मदद रोक दी है, जिससे गाजा के कई हिस्सों में मूलभूत आवश्यकताओं की भारी कमी हो गई है। इजराइल की दक्षिणपंथी नेतन्याहू सरकार खुले तौर पर तेजी से फिलिस्तीनी जमीनों पर कब्जा कर रही है और पश्चिम तट पर यहूदी बस्तियां बसाने में लगी हुई है। इस वर्ष इस टकराव में अभी तक 248 फिलिस्तीनी मारे गए हैं, जिनमें 40 बच्चे भी हैं। येरूशलम से फिलिस्तीनी परिवारों को जोर जबरदस्ती से बेदखल किया जा रहा है। गाजा पट्टी जहां 23 लाख से अधिक फिलिस्तीनी रह रहे हैं। पिछले 16 वर्ष से इसकी बुरी तरह से इज़राइल द्वारा नाकेबंदी कर रखी है। जब भी इस नाकेबंदी का प्रतिरोध फिलिस्तीनी लोगों के द्वारा किया जाता है है तो वहां हवाई बमबारी की जाती है। पार्टी का मानना है कि संयुक्त राष्ट्र संघ के द्वारा फिलिस्तीन के लोगों को उनकी गृह भूमि के जायज अधिकार दिलवाने तथा फिलीस्तीनी जमीन पर से सभी इजराइली बस्तियां व अवैध कब्जों को हटाना सुनिश्चित करना चाहिए।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिवालय में आज सचिवालय के अधिकारियों तथा कर्मचारियों द्वारा शारदीय नवरात्रों के उपलक्ष्य पर भंडारे का आयोजन किया गया। विधानसभा सचिवालय के अधिकारी तथा कर्मचारी हर वर्ष शारदीय नवरात्रों पर भंडारे करते हैं। इस अवसर पर विधानसभा सचिवालय में विशेष पूजा-पाठ, हवन का भी आयोजन किया गया। विस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने पूजा में भाग लिया तथा पूर्ण आहूति दी। कुलदीप सिंह पठानिया ने विधानसभा सचिवालय के सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों को इसके सफल आयोजन की बधाई देते हुए कहाकि यह एक पुनीत तथा मंगल कार्य है। उन्होंने कहा कि यह हमारी श्रद्धा भक्ति तथा अपने धर्म के प्रति निष्ठा को दर्शाता है। इस तरह के आयोजन से जहां आपसी सद्भाव बढ़ता है, वहीं हम मंगल कार्य से सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करते हैं।
सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल पूह पीसी नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि 66 केवी अकपा-पूह सिंगल सर्किट ट्रांसमिशन लाईन में मरम्मत कार्य के चलते सुन्नम वैली, पूह, हंगरंग वैली, खाब, नमज्ञां, डूबलिंग व समस्त स्पीति खण्ड में 21, 28 अक्तूबर तथा 5 नवंबर को प्रात: 7 बजे से दोपहर ं2 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने विद्युत आपूर्ति की असुविधा के चलते जनसाधारण से सहयोग की अपील की है।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से भारत सरकार के न्याय विभाग द्वारा ई-कोर्ट परियोजना चरण-3 पर राज्यों के कानून मंत्रियों के साथ आयोजित बैठक में भाग लिया। बैठक में विभिन्न राज्य सरकारों और उच्च न्यायालयों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय क्षेत्र की योजना के रूप में इस परियोजना का चार साल (2023 से आगे) तक का वित्तीय परिव्यय 7210 करोड़ रुपये है। चरण-3 में 24 घटक हैं, जिसका उद्देश्य सभी न्यायिक परिसरों में ई-सेवा केंद्रों के माध्यम से विरासत रिकॉर्ड सहित संपूर्ण अदालती रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण और ई-फाइलिंग व ई-पेमेंट का सार्वभौमिकरण कर डिजिटल, ऑनलाइन और पेपरलेस कर सुगम न्याय की व्यवस्था शुरू करना है। जगत सिंह नेगी ने बताया कि चरण-3 का मुख्य उद्देश्य न्यायपालिका के लिए एक एकीकृत प्रौद्योगिकी आधारित मंच उपलब्ध करवाना है जो अदालतों, वादियों और अन्य हितधारकों के बीच एक सहज और कागज रहित इंटरफेस प्रदान करेगा। भारत सरकार के न्याय विभाग के सचिव एसकेजी रहाटे ने बैठक का संचालन किया एवं धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। हिमाचल प्रदेश के महाधिवक्ता अनूप कुमार रतन ने राज्य में विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में इंटरनेट सुविधा का मामला उठाया। भारत सरकार के न्याय विभाग की ओर से अवगत करवाया गया कि परियोजना के इस चरण में इस समस्या का समाधान किया जाएगा। बैठक के दौरान राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
-मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया मिल्कफेड के नए उत्पादों का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां ओक ओवर से मिल्कफेड के नए उत्पादों का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने दुग्ध प्रसंघ को बाजार में मांग आधारित उत्पाद तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करने में हर संभव सहायता प्रदान करेगी। त्योहारों के मौसम को देखते हुए हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड ने गिफ्ट पैक, शादी की भाजी और शुगर फ्री मिठाइयां बाज़ार में उतारी हैं। नए गिफ्ट पैक तीन तरह की पैकिंग में उपलब्ध होंगे, जिनका मूल्य क्रमश: 620, 1000 तथा 1500 रुपए रखा गया है। मिल्कफेड के सभी बिक्री केंद्रों तथा जिला मुख्यालयों पर यह उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला कांगड़ा के डगवार में लगभग 226 करोड़ रुपये की लागत से 'स्टेट ऑफ द आर्टÓ दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र का निर्माण प्रस्तावित है, जहां दूध के अनेक तरह के उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इसके साथ-साथ अन्य संयंत्रों में भी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने प्रतिज्ञा-पत्र में किसानों से 80 रुपए प्रति किलो गाय का दूध और 100 रुपये प्रति किलो भैंस का दूध खरीदने का वादा किया है, जिसके लिए मिल्कफेड के प्लांट को आधुनिक बनाया जा रहा है, ताकि किसानों से खरीदे गए दूध से गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार किए जा सकें। मिल्कफेड के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास सूद ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि सभी उत्पादों को तैयार करने में उच्च गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। शुगर फ्री मिठाइयों की मांग को देखते हुए मिल्कफेड ने इन्हें बाज़ार में उतारा है। इसके साथ-साथ मिल्कफेड की मिल्क केक, पहाड़ी बर्फी, कोकोनट बर्फी, के साथ-साथ 16 प्रकार की मिठाइयां बाज़ार में उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, निदेशक सूचना एवं जन संपर्क राजीव कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
जिला सोलन के कुमारहट्टी के गांव कलोल के टिंकल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 28 सितंबर को समय शाम करीब 4.05 बजे जब वह अपने ढाबे के बाहर खड़ा था तो कुमारहट्टी की तरफ से आ रही एक बोलेरो गाड़ी के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से वन-वे का उल्लंघन करते हुए गलत दिशा में आकर सामने टनल की तरफ से आ रही मोटरसाईकिल को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार बुरी तरह से घायल हो गया। घायल को 108 एंबुलेस द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया। शिकायत पर पुलिस ने जांचकर पाया कि यह हादसा पिकअप चालक की तेज रफ्तारी, गलत दिशा व वन-वे में गाड़ी चलाने के कारण हुआ है। पिकअप चालक ने अपना नाम मनोज कुमार पुत्र हरका लाल निवासी शरमाली, जिला शिमला बताया और इसी नाम व पते का ड्राईविंग लाईसेंस पुलिस को दिखाया। पुलिस ने मामले में और छानबीन की तो पता चला कि बोलेरो चालक ने अपना गलत नाम व पता बताकर पुलिस को गुमराह किया है। पुलिस ने जांच में पाया कि चालक का असली नाम कुल बहादुर पुत्र करण बहादुर निवासी शरमाली, जिला शिमला है। पुलिस को गुमराह करने के आरोप में पुलिस ने कुल बहादुर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ़्तार कर लिया है। आरोपी को आज कार्ट में पेश किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां राजस्व विभाग को लगभग तीन दशक के उपरांत प्रकाशित नए 'लैंड कोड' के प्रकाशन के लिए बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट घोषणा के अनुसार राज्य सरकार ने नई भू-संहिता (लैंड कोड) को लागू करने का आश्वासन दिया था, जिसमें भूमि संबंधी नियमों, कानूनों और आवश्यक निर्देशों का अद्यतन संकलन होगा। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग द्वारा लगभग 31 वर्षों के बाद नया लैंड कोड जारी किया गया है। पहला लैंड कोड वर्ष 1992 में प्रकाशित हुआ था। मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि संबंधित मामलों के विषय में लोगों को अक्सर राजस्व विभाग से संबंधित कार्य रहते हैं। लैंड कोड के माध्यम से भूमि विवादों का सामाजिक समन्वय व पारिवारिक जुड़ाव के साथ सर्वसम्मत समाधान निकालने में सुविधा रहेगी। उन्होंने कहा कि जन-समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राजस्व न्याय प्रणाली का सुव्यवस्थित होना आवश्यक है। इसके दृष्टिगत राजस्व अधिकारियों और लोगों को विभिन्न नियम और विभागीय दिशा-निर्देशों की आसानी से उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि नई भू-संहिता न केवल राजस्व अधिकारियों का मार्गदर्शन करेगी, बल्कि आम आदमी को लाभान्वित करने के लिए भूमि संबंधी विषयों के त्वरित निपटारे में भी सहायक होगी। इसमें राजस्व विभाग के कानूनों और नियमों और उसमें जारी निर्देशों के बारे में समय-समय पर जानकारी भी मिलेगी।
हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शुक्रवार को विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरवार पहुंचे और मां की पावन पिंडी के दर्शन किए। मंदिर परिसर में पहुंचने पर पुजारियों ने उनका स्वागत किया। पुजारी नभ कालिया और तिलक कालिया ने उनकी हाजिरी मां चिंतपूर्णी के चरणों में लगवाई। मंदिर प्रशासन द्वारा मां की चुनरी और मां की तस्वीर देकर उनको सम्मानित किया गया। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के मंदिरों के सौंद्रीयकरण को लेकर प्रयासरत है, जिसके लिए सरकार द्वारा धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। चिंतपूर्णी मंदिर के विस्तारीकरण के लिए प्रशासन द्वारा ज़मीन खरीद ली गई है और अगर और जमीन की जरूरत पड़ी तो प्रशासन द्वारा जो व्यक्ति जमीन देने के लिए तैयार है, से जमीन ले ली जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी इस विषय पर चर्चा कर ली है। शुभ मुहूर्त देखकर जल्द ही मंदिर के विस्तारीकरण का शिलान्यास कर दिया जाएगा।
ढलियारा खड्ड में स्थित दयाल पंचायत के खेल मैदान में वीरवार को कबड्डी टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। शुभारंभ श्री बालाजी समूह के प्रबंध निदेशक डॉ. राजेश शर्मा ने किया। शर्मा ने कहा कि युवा इस देश की रीढ़ हैं। युवाओं के बल पर ही आज भारत विश्व के अग्रणी देशों में अपना स्थान बना चुका है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि खेलकूद को अपने जीवन का अहम अंग बनाएं और दूसरों को भी इस इसके लिए जागरूक करें। प्रतियोगिता का आयोजन मां बगलामुखी खेल कमेटी नैहरन पुखर/ढलियारा कर रही है। 19 से 21 अक्टूबर तक चलने वाली इस खेल प्रतियोगिता में हिमाचल समेत हरियाणा, पंजाब और दिल्ली की भी करीब 40 टीमें भाग लेने जा रही हैं। इसमें सीनियर और अंडर-19 के वर्ग बनाए गए हैं। इस प्रतियोगिता में सीनियर टीम के विजेता को 71 हजार और उपविजेता को 51 हजार रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। अंडर-19 वर्ग में यह इनाम 21 और 11 हजार रुपये है। कमेटी के संयोजक अजय कुमार, वीरेंद्र मनकोटिया और तरसेम ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर 19 वर्ग के मुकाबले हुए। फाइनल मुकाबले 21 अक्टूबर को होंगे। इसमें दयाल पंचायत से संबंधित एवं चंडीगढ़ के प्रतिष्ठित व्यवसायी छोटू शर्मा मुख्य अतिथि रहेंगे। विनायक ठाकुर, वीरेंद्र मनकोटिया, अजय कुमार जफ्फा, विकास पटियाल, अंकुश शर्मा, दलजीत चौहान, मनोज कुमार टूर्नामेंट को सफल बनाने में अपना भरपूर योगदान दे रहे हैं।
-उपायुक्त ने धान खरीद केंद्र धौलाकुंआ का किया निरीक्षण उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने आज एपीएमसी के तहत धौलाकुंआ में संचालित धान खरीद केंद्र का निरीक्षण किया और यहां पर चल रही खरीद प्रक्रिया पर प्रसन्न्ता जाहिर करते हुए इसकी सराहना की। उपायुक्त सुमित खिमटा ने बताया कि सिरमौर जिला में एपीएमसी के पांवटा और धौलाकुंआ स्थित धान खरीद केंद्रों में अभी तक 17,500 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि धान खरीद केंद्र में हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के माध्यम से धान की खरीद की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन धान खरीद केंद्रों में 3 अक्तूबर से धान खरीदने की प्रक्रि या आरम्भ हुई है। सुमित खिमटा ने कहा कि इन धान खरीद केंद्रों में किसाने से खरीदे गए धान का भुगतान 48 घंटों के भीतर करने की व्यवस्था की गई है। उपायुक्त ने कहा कि धौलाकुुंआ धान खरीद केंद्र में काफी स्थान उपलब्ध है जहां पर खरीद के लिए अतिरिक्त गोदाम बनाए जा सकते हैं। उन्होंने कृषि विभाग के माध्यम से धौलाकुंआ के धान खरीद केंद्र में अतिरिक्त गोदाम बनाने के लिए सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति हि.प्र. को मामला भेजने हेतु निर्देश दिए। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विजय सिंह हमलाल, क्षेत्रीय प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम हुसन कश्यप, एपीएमसी के एआर साहिल सिंधु के अलावा अन्य सम्बन्धित अधिकारी भी इस अवसर उपस्थित रहे।
क्रिकेट विश्व कप में लगातार पांचवीं जीत के इरादे से न्यूजीलैंड की टीम धर्मशाला पहुंच गई है। टीम गुरुवार को विशेष विमान से गगल एयरपोर्ट पर उतरी। न्यूजीलैंड की टीम 22 अक्तूबर को धर्मशाला स्टेडियम में भारत के साथ वर्ल्ड का अपना पांचवां मुकाबला खेलेगी। गुरुवार को शाम 5 बजे के करीब न्यूजीलैंड की टीम विशेष विमान से गगल एयरपोर्ट पर उतरी। इसके बाद टीम के सदस्यों को विशेष वाहनों के माध्यम से होटल रेडीसन ब्लू पहुंचाया गया। देश शाम पहुंची टीम ने होटल में ही आराम किया और होटल के लॉन से धर्मशाला की वादियों को निहारा। न्यूजीलैंड की टीम 22 अक्तूबर को धर्मशाला में दोपहर 2 बजे भारतीय टीम के साथ पांचवां मुकाबला खेलेगी। न्यूजीलैंड ने लगातार चार मैच जीते हैं।
-बार-बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद ड्यूटी पर नहीं पहुंचे हड़ताल पर चल रहे जिला परिषद कैडर के कर्मचारियों पर प्रदेश सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। निदेशक पंचायती राज रुग्वेद ठाकुर की ओर से वीरवार को सीईओ जिला परिषद को जारी आदेशों में 167 जूनियर इंजीनियर की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश जारी हुए हैं। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। बिलासपुर में 6, चंबा 13, हमीरपुर 10, कांगड़ा 38, किन्नौर 3, कुल्लू 11, लाहौल स्पीति 2, मंडी 32, शिमला 17, सिरमौर 13, सोलन 12 और ऊना में 10 जूनियर इंजीनियर की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। 167 जूनियर इंजीनियर के पद अब आउटसोर्स आधार पर भरे जाएंगे। आउटसोर्स आधार पर बिलासपुर और चंबा में 7-7 पद, हमीरपुर 13, कांगड़ा 35, किन्नौर 3, कुल्लू 13, लाहौल स्पीति 1, मंडी 25, शिमला 22, सिरमौर 13, सोलन 16 और ऊना में 9 पद भरे जाएंगे। आउटसोर्स पदों को भरने की जानकारी हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम को भेजी जाएगी और यह पद एक साल के लिए भरे जाएंगे। बार-बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद भी यह इंजीनियर ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। सरकार का तर्क है कि जेई की अनुपस्थिति से मनरेगा के विकार्स कार्य, मनरेगा मजदूरों को भुगतान और आपदा कार्यों की बहाली में बाधा उत्पन्न हो रही थी।
संजौली महाविद्यालय में आज भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन की बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता शिमला जिले के प्रभारी नितिन देष्टा जी ने की, जिसमें बहुत से नए छात्रों को एनएसयूआई में जोड़ा गया व उन्हें एनएसयूआई की विचारधारा से अवगत कराया गया। जिला के प्रभारी नितिन देष्टा ने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य एनएसयूआई की महाविद्यालय इकाई की नई कार्यकारिणी का निर्माण करना है। इस बैठक में विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष रजत भारद्वाज भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार द्वारा चलाई गई मुहिम जुड़ेगा विद्यार्थी, जीतेगा इंडिया के बारे में भी छात्रों को अवगत करवाया। इस बैठक में विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष चंदन महाजन, जिला महासचिव गोल्डी मेहता भी मौजूद रहे।
-सीएम की पहल पर निराश्रित बच्चों को मिला स्टेट आप चिल्ड्रन का दर्जा विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि कांगड़ा जिला में सुखाश्रय योजना की विधिवत लांचिंग मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु 22 अक्तूबर को शाहपुर में करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्रीसुखविंदर सिंह सुक्खु ने सत्ता संभालने के बाद पहला ही निर्णय निराश्रित बच्चों की चिंता करते हुए सुखाश्रय योजना को कार्यान्वित करने का लिया था ताकि निराश्रित बच्चों की देखभाल, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में नवरात्रों में ही इस योजना की विधिवत शुभारंभ किया जाएगा ताकि जिला के निराश्रित बच्चों को समयबद्व लाभ मिलना सुनिश्चित हो जाए। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर में 21 अक्तूबर से 24 अक्तूबर तक शाहपुर में दशहरा मेला भी आयोजित किया जाएगा, 21 को मेले का शुभारंभ किया जाएगा तथा 22 अक्तूबर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। इस मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिसमें स्थानीय स्कूलों के बच्चों तथा लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा इसके साथ ही महिला मंडलों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी सुनिश्चित किया जाएगा। मेले के दौरान हेल्थ कैंप का भी आयोजन किया जाएगा ताकि रोगियों को उपचार की बेहतर सुविधाएं मिल सकें। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि विकासात्मक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा जिसमें कृषि विभाग, उद्यान विभाग तथा सामाजिक कल्याण विभाग, महिला बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों की प्रगति तथा योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी प्रदान की जा सके। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि वर्तमान सरकार आम जनमानस की सरकार है तथा सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचे इस के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रवास तथा मेले की तैयारियों को लेकर कमेटियां गठित कर दी गई हैं मेले में आम जनमानस की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए भी कारगर कदम उठाए जा रहे हैं।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में आजकरियर अवेयरनेस पर एक कार्यक्रम करियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल के द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बीडीओ लंबा गांव सिकंदर रहे। इस कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर रजनी द्वारा किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर प्रदीप कुमार कौंडल जी ने अतिथि वक्ता सिकंदर का स्वागत करते हुए, उनके जीवन के संघर्षों के बारे में विस्तार पूर्वक बताते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि सिकंदर ने किस प्रकार अध्यापक से लेकर बीडीओ तक का सफ़र तय किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सिकंदर ने कई महत्वपूर्ण बातों पर प्रकाश डाला तथा छात्रों को किस तरह सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए, यह समझाया। उन्होंने बताया कि किस तरह समय व स्थिति के अनुसार हमें सही रास्ते का चयन करना चाहिए। इसके साथ-साथ मुख्य अतिथि ने अपने जीवन के निजी अनुभव को साझा किया और छात्रों को हमेशा कोशिश करते रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य और करियर काउंसलिंग में प्लेसमेंट सेल के संयोजक डॉ. सुरजीत सिंह राणा ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक गण मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु प्राचार्य ने करियर काउंसलिंग पर प्लेसमेंट सेल के सभी सदस्यों को बधाई दी।
-जयसिंहपुर कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण व ओजोन संरक्षण पर करवाई प्रतियोगिता कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में 19 अक्तूबर को भूगोल विभाग, ईको क्लब व सामाजिक विज्ञान समिति के द्वारा संयुक्त रूप से पर्यावरण संरक्षण व ओजोन संरक्षण पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में भाषण व पोस्टर मेकिंग शामिल रहे। महाविद्यालय के सभी छात्रों ने प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय की नेहा ने प्रथम स्थान, अंबिका ने द्वितीय व कनिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया तथा रुचि, मुस्कान और लक्ष्मी ने पोस्टर मेकिंग में प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल किया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र व सभी प्राध्यापक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार कौंडल जी ने छात्रों को संबोधित करते हुए सभी छात्रों को पर्यावरण के संरक्षण में योगदान करने के लिए प्रेरित किया तथा भूगोल विभाग इको क्लब को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ अपनी कार्रवाई लगातार जारी रखते हुए लगभग 20,500 लीटर लाहण तथा 115 पेटी अंग्रेजी शराब व बियर जब्त की। आबकारी आयुक्त डॉ. यूनुस ने बताया कि टीम सिरमौर ने गत 18 अक्तूबर को टोका-नागला के घने जंगलों में कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर 7000 लीटर, 4000 लीटर तथा 9500 लीटर लाहण कर आबकारी अधिनियम के अंतर्गत नष्ट की। यह अवैध शराब घने जंगलों में एक नाले के पास तैयार की जा रही थी। इसके अतिरिक्त गत रात आबकारी विभाग की मंडी जिला की टीम ने भी 115 पेटियां अंग्रेजी शराब व बियर जब्त की जोकि चण्डीगढ़ में बिक्री हेतु तैयार की गई थी। इसके अतिरिक्त जीएसटी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए शिमला जिला की टीम ने 3,33,330 रुपये के चांदी के गहने पकड़े, बिना बिल या दस्तावेजों के पाए गए। इन गहनों के मामले में कार्रवाई करते हुए विभाग द्वारा 20,000 रुपये का जुर्माना बसूला गया। यूनुस ने बताया कि विभाग ने पिछले कुछ समय से एक विशेष अभियान में अलग-अलग अधिनियमों के अंतर्गत कार्रवाई की है। विभाग ने अब तक लगभग 23 करोड़ रुपये के आभूषण बिना बिल के पकड़े और जीएसटी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की है तथा लगभग 87000 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त अथवा नष्ट की गई। अवैध शराब तथा कर चोरी के मामलों में विभाग ने जीरो टोलरैंस की नीति सुनिश्चित की है। 24 गुना 7 कंट्रोल रूम की जानकारी देते हुए उन्होंने जनता से एक बार पुन: अनुरोध किया है कि अवैध शराब तथा कर चोरी के मामले नजर में आते ही टोल फ्र्री ंबर 1800-180-8060 तथा व्हॅट्सऐप नम्बर 94183-31426 पर शिकायत दर्ज करें ताकि इस अभियान को और अधिक सफल बनाया जा सके।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने बताया कि 18 अक्टूबर को टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड और गढवाल मंडल विकास निगम लि. (जीएमवीएनएल) के मध्य उत्तराखंड में जीएमवीएन के 14 अतिथि गृह एवं चार धाम यात्रा मार्ग पर विद्युत वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। विश्नोई ने अवगत कराया कि इन दोनों के सहयोगात्मक प्रयास से इस पवित्र मार्ग पर इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रयोग को बढ़ावा मिलेगा, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी। विश्नोई ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों संगठन अगले साल चार धाम यात्रा शुरू होने से पहले चार्जिंग स्टेशनों को तेजी से चालू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह पहल उत्तराखंड में सतत और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन विकल्पों की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाती है। टीएचडीसीआईएल की ओर से प्रवीण सक्सेना, महाप्रबंधक (व्यवसाय विकास) तथा जीएमवीएन की ओर से राकेश सकलानी, अपर महाप्रबंधक(पर्यटन) ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनोद गिरी गोस्वामी, आईएएस तथा दोनों संगठनों के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा ने इस बात को पुन: सिद्ध कर दिया है कि विकास कार्यों के दौरान जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखना अति आवश्यक है। प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से संवेदनशील होने के कारण हमारे क्षेत्र में विकासात्मक कार्यों के क्रियान्वयन में वैज्ञानिक तौर-तरीकों को अपनाने की जरूरत है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) द्वारा 'बदलते परिवेश और भूकंपीय खतरे के समय में सतत विकास' विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा सौरभ जस्सल ने यह विचार प्रकट किए। एडीसी ने कहा कि प्रदेश सरकार के सख्त निर्देश हैं कि सभी विभाग प्राकृतिक आपदाओं के न्यूनीकरण को लेकर काम करें। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस बात पर विशेष बल दिया है कि भविष्य में सभी निर्माण कार्य पूर्ण वैज्ञानिकता के साथ किए जाएं, जिससे प्राकृतिक आपदाओं के खतरे को कम से कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि इसी के दृष्टिगत निर्माण कार्यों से जुड़े विभागों के अधिकारियों के लिए इस प्रकार की कार्यशालाएं आयोजित करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्यशाला का मकसद है कि हम बदलते प्राकृतिक परिदृश्य के अनुरूप अपना विकास मॉडल विकसित करें। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को सतत विकास पर जोर देते हुए विकासात्मक कार्यों के दौरान विशेषज्ञों की राय पर अमल करना चाहिए। कार्यशाला में इन विशेषज्ञों ने लिया भाग डीडीएमए कांगड़ा द्वारा आयोजित इस एक दिवसीय कार्यशाला में एनआईटी हमीरपुर से डॉ. राजेश्वर सिंह, डॉ. हेमंत कुमार विनायक, आईआईटी मंडी से डॉ. आशुतोष कुमार, राजीव गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज नगरोटा बगवां से क्रितिजा शर्मा और अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सुरेश वालिया ने 'जलवायु परिवर्तन और सतत विकासÓ से संबंधित विषयों पर अपनी बात रखी। इस दौरान लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत बोर्ड, पंचायती राज विभाग और निर्माण कार्यों से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने प्रश्नों और जिज्ञासाओं को विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत कर विकासात्मक कार्यों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। विकासात्मक कार्यों में हो समाज की सहभागिता दो सत्रों में आयोजित इस कार्यशाला में विशेषज्ञों ने विकासात्मक कार्य और आपदा न्यूनीकरण पर बहुमूल्य सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र की प्रकृति और भौगोलिक परिस्थिति अलग प्रकार की होता है। उन्होंने कहा कि हमें विकासात्मक कार्यों के लिए एक ही प्रकार की एप्रोच से हर क्षेत्र में कार्य करने की बजाए स्थान के हिसाब से योजना बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र की भौगोलिक और प्राकृतिक स्थिति का अनुमान स्थानीय जनसंख्या को अधिक होता है। इसलिए हमें विकासात्मक कार्यों का एजेंडा बनाने के लिए स्थानीय लोगों के विचारों को सम्मिलित कर इसमें समाज की सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
राजस्व, बागवानी तथा जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को देश के फल राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए कृत संकल्प है। जगत सिंह नेगी आज डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में उन्नत मृदा एवं पत्ती विश्लेषण प्रयोगशाला में 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित सैंपल प्रसंस्करण खंड का शुभारम्भ करने के उपरांत विश्वविद्यालय के अध्यापकों के साथ आयोजित संवाद सत्र को सम्बोधित कर रहे थे। जगत सिंह नेगी ने कहा कि हिमाचल को देश का फल राज्य बनाने के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के वैज्ञानिकों को दिशा परक कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों को हिमाचल प्रदेश की विविध जलवायु के अनुरूप विभिन्न फलों की किस्में तैयार करनी होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस दिशा में विश्वविद्यालय को समुचित सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पांच वर्षों में प्रदेश में हिमाचल प्रदेश शिवा परियोजना के तहत लगभग 1300 करोड़ रुपए खर्च करेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत प्रदेश के 7 ज़िलों के 28 विकास खंडों में 06 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में दो चरणों में बागवानी क्षेत्र का विकास किया जाएगा। इससे लगभग 15 हजार से अधिक बागवान परिवार लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि परियोजना के अंतर्गत किसानों की निजी भूमि पर 'एक फसल एक क्लस्टरÓ विधि के तहत संतरा, अमरूद, अनार, लीची, प्लम, पीकन नट, परसीमोन, आम इत्यादि फलों को बढ़ावा दिया जाएगा। जगत सिंह नेगी ने विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों का आह्वान किया कि वह टिशू कल्चर विधि को प्रदेश की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करें ताकि बागवान इससे लाभान्वित हो सके। बागवानी मंत्री ने कहा कि देश के अन्य राज्यों में भी वर्तमान में फलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। हमें यह सुनिश्चित बनाना होगा कि हम हिमाचल की विविध जलवायु परिस्थितियों का उचित उपयोग कर हिमाचल को फल राज्य बनाएं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विश्वविद्यालय की विभिन्न समस्याओं का शीघ्र समाधान निकाला जाएगा। जगत सिंह नेगी ने इससे पूर्व डॉ. यश्वन्त सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के प्रशासनिक प्रागंण में टर्मिनलिया मेटालिका का पौधा रोपा। उन्होंने विश्वविद्यालय में सेब एवं अन्य फलों की नर्सरी पी.ई.क्यू स्थल, विभिन्न फलों के जीन बैंक, अनुसंधान प्रयोगशाला, तन्तु संवर्द्धन प्रयोगशाला, इलैक्ट्रॉन माइक्रोस्कोप प्रयोगशाला, वानिकी विभाग में बने इनक्यूबेशन केन्द्र का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि कृषि, बागवानी तथा फूलों की खेती प्रदेश के ग्रामीणों की आय का प्रमुख साधन है। उन्होंने कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी को बनाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने छात्रावासों में भोजन की व्यवस्था भी जांची। डॉ. यशवंत सिंह परवार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश्वर सिंह चंदेल ने जगत सिंह नेगी का स्वागत किया और विश्वविद्यालय के कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बघाट बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, जोगिंद्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खंड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष संजय ठाकुर, ग्राम पंचायत नौणी के प्रधान मदन हिमाचली, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अंकुश सूद, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, नगर निगम सोलन के मनोनीत पार्षद रजत थापा, डॉ. यश्वंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी कुल सचिव नरेंद्र चौहान, प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष फल विज्ञान विभाग डॉ. धर्मपाल शर्मा, डॉ. अनिल हांडा, उपमंडलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
-बोले, पर्यटन को बढ़ावा देने से युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार -विधायक ने नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में सुनीं लोगों की समस्याएं पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि प्रत्येक विस क्षेत्र में छोटे छोटे टूरिस्ट स्पॉट विकसित किए जाएंगे ताकि स्थानीय लोगों को स्वरोगार के अवसर मिल सकें और हिमाचल में टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा सके। वीरवार को नगरोटा विस क्षेत्र में लोगों की समस्याएं सुनने के उपरांत पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए कृत संकल्प है तथा इसी दिशा में टूरिज्म में स्वरोजगार की अपार संभावनाएं को धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांगड़ा को टूरिज्म कैपिटल के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु के नेतृत्व में कारगर कदम उठा रही है तथा पर्यटन के लिए अधोसरंचना विकसित करने के लिए कार्य योजना तैयार की गई है ताकि पर्यटकों की आमद में इजाफा हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में ईको-टूरिज्म पर्यटन को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित कर रही है और इसके लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित की जा रही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खु के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण वन क्षेत्रों में 11 ईको-पर्यटन स्थल चिन्हित किए गए हैं। इनमें पालमपुर वन मंडल में स्वार, सौरभ वन विहार, न्यूगल पार्क, बीड़-बिलिंग, पार्वती वन मंडल में कसोल, खीर गंगा व सुमारूपा, सिराज में सोझा, कोटगढ़ में नारकंडा और शिमला वन मंडल के तहत शोघी कैंपिंग स्थल व पोटर हिल कैंपिंग स्थल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ईको-पर्यटन स्थल एक हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होगा। उन्होंने कहा कि प्रकृति ने हिमाचल को अलौकिक सौंदर्य से नवाजा है और हिमाचल की मनभावन वादियां देश-विदेश सेे सैलानियों को आकर्षित करती हैं। उन्होंने कहा कि ईको-पर्यटन को प्रोत्साहित करने से राज्य में पर्यटकों की आमद बढ़ेगी और राजस्व में भी इजाफा होगा तथा प्रदेश में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में अन्य स्थानों पर भी ईको-पर्यटन स्थल चिन्हित कर उन्हें पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा।
-सीएम ने किया शिलान्यास, जिला को दी 8 करोड़ रुपये की सौगात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज बिलासपुर जिला को 8 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं की सौगातें दीं। उन्होंने बिलासपुर के रौड़ा सेक्टर में बनने वाली प्रदेश की पहली डिजिटल लाइब्रेरी का शिलान्यास किया, जिसके निर्माण कार्य पर लगभग 3 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने धौलरा क्षेत्र में 5.18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कृषि भवन की भी आधारशिला रखी। उन्होंने इन भवनों का निर्माण कार्य दो वर्षों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की पहली डिजिटल लाइब्रेरी में पुस्तकों का संग्रह डिजिटल दस्तावेज के रूप में पाठकों को प्राप्त होगा, जिसे इंटरनेट के माध्यम से हासिल किया जाएगा। इसी परियोजना के तहत जिला बिलासपुर के विभिन्न क्षेत्रों की 10 पंचायतों में भी ऐसी और डिजिटल लाइब्रेरी खोली जाएंगी ताकि ग्रामीण क्षेत्र के पाठकों को इसका लाभ मिल सके। इस कार्य के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम के साथ अनुबंध किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस डिजिटल लाइब्रेरी को इस वर्ष के अंत तक शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में 5.18 करोड़ रुपये की लागत से कृषि भवन भी निर्मित किया जाएगा, जिसमें पार्किंग, उप-निदेशक कार्यालय, किसानों की बैठकें आयोजित करने के लिए हॉल, वीडियो कांफ्रेंसिंग हॉल तथा अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए पर्याप्त कमरों की सुविधा होगी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में प्रदेश में आपदा से बहुत अधिक नुकसान हुआ है। आपदा प्रभावितों की मदद के लिए राज्य सरकार ने 4500 करोड़ रुपये का विशेष राहत पैकेज जारी किया है और प्रभावितों को मदद प्रदान करने के कार्य का अनुश्रवण वे स्वयं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने संसाधनों से प्रभावित परिवारों की भरपूर मदद का प्रयास कर रही है। बिलासपुर जिला में आपदा प्रभावितों को 25 अक्तूबर को सहायता वितरित की जाएगी तथा वह स्वयं बिलासपुर जिला का दौरा करेंगे। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार से विशेष राहत पैकेज की उम्मीद दिन-प्रतिदिन धुंधली होती जा रही है, क्योंकि और राज्य से आपदा से संबंधित 12 हजार करोड़ रुपये के दावे केंद्र सरकार को भेजे गए हैं लेकिन कोई विशेष राहत जारी नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि भेजे गए दावों पर नियमानुसार केंद्र सरकार को जल्द से जल्द धनराशि जारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा आपदा में भी राजनीतिक रोटियां सेंकती रही और प्रभावित परिवारों के साथ उनका रवैया उदासीन ही रहा। प्रदेश में आई इस भीषण आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और विशेष राहत पैकेज प्रदान करने के लिए विधानसभा में लाए गए संकल्प का भाजपा ने समर्थन नहीं किया। उन्होंने आपदा राहत कोष में रिकॉर्ड दान के लिए दानी सज्जनों का आभार व्यक्त किया। एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला परिषद कैडर कर्मचारियों को अपनी हड़ताल छोड़कर काम पर लौटना चाहिए। राज्य सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी आपदा प्रभावितों को मदद पहुंचाने का काम चल रहा है तथा उन्हें अपनी हड़ताल समाप्त कर देनी चाहिए। इस अवसर पर उनके साथ शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, विधायक राजेश धर्माणी, पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, बाबू राम गौतम, बीरू राम, सोहन लाल ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने पंचायती राज संस्थाओं के उप निर्वाचन, 2023 के लिए ज़िला के विभिन्न विकास खण्डों में मतदान केंद्रों की सूची प्रकाशित कर दी है। ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) द्वारा प्रकाशित सूची के अनुसार विकास खण्ड कण्डाघाट की ग्राम पंचायत सतडोल के वार्ड नंबर 1, कांशीपट्टा के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला सतडोल तथा ग्राम पंचायत छावशा के वार्ड नंबर 4, पाडली के लिए आंगनवाड़ी केंद्र पाडली को मतदान केंद्र अधिसूचित किया गया है। विकास खंड धर्मपुर की ग्राम पंचायत आंजी मातला के वार्ड नंबर 1 रडोपैद के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला रडोपैद को मतदान केंद्र के रूप में अधिसूचित किया गया है। विकास खंड कुनिहार की ग्राम पंचायत संघोई के वार्ड नंबर 5, मलावण-2 के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला मलावण तथा ग्राम पंचायत सानन के वार्ड नंबर 4, सानण ब्रागिया के लिए राजकीय माध्यमिक पाठशाला सानण ब्रागिया को मतदान केंद्र अधिसूचित किया है।
जिला परिषद अधिकारी एवं कर्मचारी महान संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल आज 20वें दिन में प्रवेश कर गई है। इन कर्मचारियों की हड़ताल के कारण पंचायत के विकास कार्य एवं अन्य कार्य पूरी तरह से ठप पड़ गए हैं। संघ का कहना है कि सरकार द्वारा कर्मचारी व अधिकारियों की मांगों को मानने की बजाय तानाशाही रवैया अपना कर तरह-तरह के पत्र निकालकर कर्मचारी एवं अधिकारियों को डराया धमकाया जा रहा है, जो कि किसी भी तरह से उचित एवं न्याय संगत नहीं है, क्योंकि इन कर्मचारियों की कोई भी मांग ऐसी नहीं है, जो उचित न हो इस तरह के पत्रों एवं फरमानों के द्वारा इन्हें डराया जाना लोकतंत्र के खिलाफ है। जिला परिषद कर्मचारी एवं अधिकारी महासंघ इकाई धर्मपुर द्वारा अध्यक्ष जिला परिषद रमेश ठाकुर का समर्थन करने पर उनका आभार जताया व 25 25 वर्षों की विभाग की सेवा करने के बाद भी इस प्रकार का रवैया अपनाने पर बहुत ही खेद जताया है। संघ इकाई द्वारा सरकार से प्रार्थना की गई कि सभी कर्मचारी एवं अधिकारियों की मांगों को मानकर उचित न्याय प्रदान करें, ताकि सभी लोग हड़ताल समाप्त कर अपने कार्य को प्रारंभ करें और पंचायत के कार्य पुन: सुचारू रूप से चल सकंे।
-पर्यटकों की सुविधा के लिए हिमाचल में शुरू होगी टूरिस्ट हेल्पलाइन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटक बसों, टंैपो ट्रैवलर व वाणिज्यिक पर्यटक वाहनों पर लगने वाले विशेष पथ कर (एसआरटी) व अन्य करों को कम करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एसआरटी के दृष्टिगत हाल ही में जारी की गई अधिसूचना को संशोधित करने पर गंभीरता से विचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह बात आज यहां ओक ओवर में शिमला होटल्ज एंड टूरिज्म स्टेकहोल्डर्ज एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल से भेंट के दौरान कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शीघ्र ही होम-स्टे नीति लाने जा रही है। प्रदेश में पर्यटन अधोसंरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है और सैलानियों की सुविधा के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए शीघ्र ही टूरिस्ट हेल्पलाइन भी शुरू की जाएगी और इसे 1100 हेल्पलाइन से जोड़ने पर भी विचार किया जाएगा। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में सड़क संपर्क के साथ-साथ हवाई सेवाएं भी सुदृढ़ की जा रही हैं। सभी जिलों को हेलीपोर्ट से जोड़ने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिमला में एक और हेलीपोर्ट के निर्माण पर भी विचार कर रही है। पर्यटन अधोसंरचना को सुदृढ़ करने से ही राज्य में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा और प्रति वर्ष 5 करोड़ पर्यटकों की आमद का लक्ष्य पूर्ण हो पाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रयास किया जा रहा है कि प्रदेश के पर्यटन गंतव्यों में पर्यटकों का अधिक दिन तक ठहराव हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटकों को वैश्विक स्तर की सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार वचनबद्ध है। इसी दिशा में अनेक नवोन्मेषी पहल की जा रही हैं। प्रदेशवासियों और पर्यटकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए चरणबद्ध तरीके से यूवी/अल्ट्रा फिल्टरेशन तकनीक का उपयोग किया जाएगा। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पर्यटन व्यवसायियों से आग्रह किया कि वे पर्यटन गतिविधियों में विद्युत चालित वाहनों का उपयोग सुनिश्चित कर प्रदेश को हरित राज्य बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। शिमला होटल्ज एंड टूरिज्म स्टेकहोल्डर्ज एसोसिएशन के अध्यक्ष महेेंद्र सेठ ने मुख्यमंत्री को अपनी विभिन्न मांगों से अवगत करवाया। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, विधायक संजय रतन, चंद्रशेखर, राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, पूर्व विधायक सोहन लाल, एसोसिएशन के महासचिव बलजीत सिंह और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
नेहरू युवा केंद्र सोलन द्वारा 'मेरी माटी मेरा देश'कार्यक्रम के अंतर्गत विकास खंड धर्मपुर में 11 अक्तूबर को पूर्व स्वाथ्य मंत्री डॉ. राजीव सहजल, विकास खंड नालागढ में 13 अक्तूबर को मुख्य अतिथि मदन चौधरी, विकास खंड कंडाघाट में 16 अक्तूबर को सहीद रोशन लाल तथा विकास खंड कुनिहार के दारलाघाट में 18 अक्तूबर को पूर्व भारतीय सेना अधिकारी मनसा राम मुख्य अतिथि रहे। धर्मपुर में 600, नालागढ़ में 700 , कंडाघाट में 500 तथा कुनिहार में आयोजित कार्यक्रम में 600 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इन सभी कार्यक्रमों में सर्वप्रथम कलश यात्राएं निकली गई, तत्पश्चात उपस्थित सभी प्रतिभागियों द्वारा पंच प्रण शपथ ली गई जिसके बाद उत्तरी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र द्वारा एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके बाद विभिन्न गांव, पंचायतों तथा विभिन्न संस्थानों से आये कलश की मिट्टी को एक पात्र में रख कर मिलाया गया तथा राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिए एक कलश में मिट्टी डाली गई एवं बची हुई मिट्टी से पौधरोपण किया गया। जानकारी देते हुए नेहरु युवा केंद्र सोलन की उपनिदेशक इरा प्रभात में बताया की मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम संपूर्ण भारत में नेहरु युवा केंद्र द्वारा आयोजित करवाया जा रहा है, जिसकी शुरुआत ग्रामीण स्तर से हुई तथा इसके पश्चात खंड स्तर और उसके बाद राज्य स्तर तथा अंत में ये कार्यकम का आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में अमृत वाटिका के निर्माण से होगा। मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के अंतर्गत अगला कार्यक्रम जिला सोलन में 21 अक्तूबर को आयोजित होगा।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर द्वारा 4-शिमला (अ.जा.) संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में समाविष्ट 55-पच्छाद (अ.जा.) विधान सभा क्षेत्र के लिए मतदान केन्द्रों की सूची का अन्तिम रूप से प्रकाशन कर दिया गया है। मतदान केंद्रों की युक्तिकरण के बाद पच्छाद विधान सभा क्षेत्र में 11 नए मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम पच्छाद स्थित सराहां डॉ. संजीव कुमार धीमान ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व में पच्छाद विधान सभा क्षेत्र में 113 मतदान केंद्र थे और युक्तिकरण के उपरांत 11 नए मतदान केंद्र स्थापित होने से अब वर्तमान में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 124 हो गई है। मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के बाद धनेश्वर, मढ़ेड़ा, सेर जगास, बथाऊ धार, शमोगा, रेड़ी गुसाण, खरेटी, दाड़ीक डिंगरी, धार भडें़जी, कोटला पंजोला और चांडोग को नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। संजीव धीमान ने बताया कि मतदान केंद्रों की सूचि का निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम पच्छाद स्थित सराहां, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम राजगढ़, तहसीलदार राजगढ़/पच्छाद स्थित सराहां और नायब तहसीलदार पझौता स्थित नोहरी व नारग के कार्यालय में नि:शुल्क निरीक्षण किया जा सकता है।
शूलिनी इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज एंड बिजनेस मैनेजमेंट (एसआईएलबी), सोलन ने खाद्य संरक्षण और हमारे जीवन में पानी की भूमिका के बारे में जागरूकता कार्यक्रमों के साथ विश्व खाद्य दिवस मनाया। जल ही जीवन है, जल ही भोजन है, किसी को भी पीछे न छोड़ें थीम के तहत संस्थान ने आकर्षक कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित की, जिसमें विभिन्न विभागों के छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसआईएलबी की निदेशक डॉ. शालिनी शर्मा थीं। डॉ. मीनू ठाकुर, शिवानी दत्त और वरुण गार्ला सहित एक प्रतिष्ठित पैनल ने छात्रों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए अपनी विशेषज्ञता प्रदान की। वहीं आ अवसर पर करवाई गई भाषण प्रतियोगिता में स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों ने अपने वक्तृत्व कौशल का प्रदर्शन किया, जिसमें मुस्कान बिष्ट ने केंद्रीय विषय पर एक व्यावहारिक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। बीबीए विभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए वंशिका चौहान और मीनाक्षी ने स्नातक वर्ग में प्रथम और द्वितीय पुरस्कार का दावा किया, जबकि एमएससी से सिमरन पटियाल और राहुल ठाकुर ने। वनस्पति विज्ञान कार्यक्रम ने स्नातकोत्तर श्रेणी में शीर्ष स्थान हासिल किया। फोटोग्राफी प्रतियोगिता में बीबीए के आदित्य नरोता और बीसीए विभाग के यश परमार ने दूसरा पुरस्कार जीता। चित्रकला प्रतियोगिता में एमएससी कर रही कीर्ति ठाकुर। जैव प्रौद्योगिकी में, उल्लेखनीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया और प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि हर्षुल कौंडल, एम.एससी. वनस्पति विज्ञान के छात्र ने दूसरा पुरस्कार जीता। बीसीए विभाग के आकाश ठाकुर को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वनस्पति विज्ञान विभाग की नाटिका ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि बीबीए विभाग के छात्र हरिओम ने रैप प्रस्तुत किया। एसआईएलबी की निदेशक डॉ. शालिनी शर्मा ने योग्य विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए। यह कार्यक्रम छात्रों और सहायक प्रोफेसरों की उत्साही भागीदारी के साथ संपन्न हुआ, जिन्होंने एसआईएलबी में विश्व खाद्य दिवस को एक शानदार सफलता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के इंस्टट्यिूट ऑफ टूरिज्म स्टडी के तृतीय सत्र के छात्रों की प्लेसमेंट हेतु चयन प्रक्रिया आरंभ हो गई है। संस्थान के प्लेसमेंट ऑफिसर आचार्य नितिन व्यास ने बताया कि दिल्ली व मुंबई से विभिन्न टूर एंड ट्रेवल मल्टीनेशनल कंपनीज चयन प्रक्रिया हेतु हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय आ रही हैं। इस कड़ी में इंडो-एशिया मल्टीनेशनल टूर कंपनी न्यू दिल्ली ने 5 छात्रों की चयन प्रक्रिया को आरंभ किया है। इस प्रक्रिया में 15 एमटीए के छात्रों ने आवेदन किया है, जिनकी प्रक्रिया आरंभ हो गई है। डॉ. नितिन व्यास ने बताया कि कोविड के समय में पर्यटन व्यवसाय को आघात लगा था, जिसके कारण बहुत से लोगों को नौकरी से हाथ धोना पड़ा था, परंतु फिर से टूरिज्म इंडस्ट्रीज में सकारात्मकता आना एक अच्छा संकेत है। इन्होने बताया कि चयनित छात्र 1 जनवरी, 2024 से यहां पर ट्रेनिंग करेंगे इसके बाद यही पर नौकरी भी कर सकेंगे। डॉ. नितिन ने कहा कि भविष्य में और कंपनियां भी प्लेसमेंट के लिए विश्वविद्यालय आ रही हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सिरमौर सुमित खिमटा ने बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग की स्वीकृति मिलने के उपरांत सिरमौर जिला में मतदान केंद्रों की सूचियों को अंतिम रूप प्रदान किया गया है और सूचियों का अंतिम प्रकाशन 10 अक्तूबर को कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बताया कि मतदान केन्द्रों की युक्तिकरण की प्रक्रिया के उपरांत जिला में 26 नये मतदान केन्द्र बनाये गये हैं जिससे जिला में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 563 से बढ़कर 589 हो गई है। इसके आलवा, युक्तिकरण प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं की सुविधा के लिए 8 मतदान केंद्रों के भवनों को बदला गया है, जबकि 16 मतदान केन्द्रों के सैक्शन का युक्तिकरण भी किया गया है। सुमित खिमटा ने बताया कि मतदान केंद्रों की सूची जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय नाहन के अलावा संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के एसडीएम कार्यालयों में निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। अंतिम रूप से प्रकाशित मतदान केंद्रों की सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी हिमाचल प्रदेश की वैब साईट में भी उपलब्ध करवाई गई है।
बीफार्मेसी कॉलेज जोगिंदर नगर में आग लगने की घटना के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों से संबंधित मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल में विद्यार्थियों को भूकंप आने पर गैस सिलेंडर में आग लग जाने पर या चोट लग जाने पर क्या करना चाहिए और क्या न नहीं, इन बातों की जानकारी दी गई। अग्निशमन अधिकारी तिलक कुमार व उनकी टीम ने सभी विद्यार्थियों को आपदा के समय हर प्रकार की सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी। इस कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य सुरेश कुमार भंडारी तथा टींचिग नॉन टीचिंग स्टाफ सहित कॉलेज के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
एसपी नूरपुर अशोक रत्न के दिशा-निर्देशों के अनुसार चलाए गए नशा रोधी अभियान में पुलिस को एक और सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार की गई कारवाई के दौरान एक व्यक्ति को 7.99 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। एसपी अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छन्नी में एक व्यक्ति अपने घर में ही नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहा है। जिस पर पुलिस ने उसके रिहायशी मकान में दबिश दी। इस दौरान उक्त मात्रा में हेरोइन बरामद की गई। आरोपी की पहचान सन्नी उर्फ रीठा पुत्र सुरजन, निवासी गांव छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने हेरोइन को कब्जा में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगामी कारवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल में करीब 80,000 शिक्षकों के तबादलों के लिए प्रदेश सरकार ने पुराने नियम बदल दिए हैं। अब शिक्षकों के तबादले 30 किलोमीटर के दायरे से बाहर होंगे। एक स्थान पर तीन वर्ष का सेवाकाल पूरा करने के बाद अब शिक्षकों को 30 किलोमीटर दूर जाना अनिवार्य कर दिया गया है। तबादले करने के लिए सरकार ने दूरी को पांच किलोमीटर बढ़ा दिया है। पहले 25 किलोमीटर के भीतर तबादले होते थे। राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद शिक्षा विभाग ने इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी है। प्रदेश में इसी माह से यह व्यवस्था लागू होगी। एक स्कूल में तीन वर्ष का सेवाकाल पूरा होते ही आपसी सहमति से नजदीकी शिक्षक के साथ स्कूल बदलने के तबादला आदेश जारी करवाने वाले शिक्षकों के लिए अब राह आसान नहीं रहने वाली है। शहरों के आसपास सटे स्कूलों में ही सेवाएं देने वाले शिक्षकों को थोड़ा और बाहर के क्षेत्रों में भेजने के लिए सरकार ने तबादला नीति में बदलाव कर दिया है। विभागीय अधिकारियों की ओर से 30 की जगह 40 किलोमीटर के दायरे से बाहर शिक्षकों के तबादले करने का प्रस्ताव था, लेकिन सरकार ने इस दूरी को 30 किलोमीटर ही रखने की मंजूरी दी है। इस नई व्यवस्था से अब ऐसे स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, जहां कोई भी जाने को तैयार नहीं होता था।
-गरीबों के लिए वरदान साबित हो रहा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान सिरमौर जिला के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के संचालन का जिम्मा जिला के अग्रणी बैंक यूको बैंक को मिला है। आरसेटी के माध्यम से जिला के बीपीएल परिवारों के युवा-युवतियों को हुनरमंद बनाने के लिये ग्रामीण विकास विभाग के सहयोग से विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। आरसेटी के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए आरसेटी सिरमौर की निदेशक अमिता शर्मा ने बताया कि गांव के बीपीएल परिवारों के युवक युवतियों में मनरेगा कार्ड जॉब धारक, बीपीएल राशन कार्ड धारकों व स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। यह एक नि:शुल्क प्रशिक्षण योजना है जो गरीब परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की राह प्रशस्त करती है। संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों के युवाओं को स्वरोजगार के लिये प्रेरित कर उन्हें अपनी आजीविका अर्जित करने के लिये सक्षम बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। अमिता ने बताया कि बीते वित्तीय साल के दौरान यूको आरसेटी ने जिला के विभिन्न क्षेत्रों में 21 प्रशिक्षण करवाए। इनमें कुल 547 युवा-युवतियों को मधुमक्खी पालन, डेयरी फार्मिंग, सिलाई, ब्यूटी पार्लर, कृषि उद्यमी, रेशम कोष उत्पादन, बैंक सखी इत्यादि व्यवसाय में दक्ष बनाकर उन्हें स्व रोजगारोन्मुखी बनाया गया। संतोष इस बात का रहा कि इनमें से 70 फीसदी युवा-युवतियों ने अपना रोजगार अपनाकर घर-परिवार की आर्थिकी को संबल प्रदान किया। इस साल 660 को प्रशिक्षित करने का है लक्ष्य वित्तीय वर्ष 2023-24 की प्रथम तिमाही में यूको आरसेटी ने जूट बैग उत्पादन, सॉफट खिलौने बनाना, पेपर बैग बनाना, ब्यूटी पार्लर, कॉस्टयूम व ज्वेलरी में 178 प्रशिक्षणार्थियों का कौशल उन्नयन किया। अमिता ने बताया कि भारत के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में जिला में कुल 23 प्रशिक्षणों के माध्यम से 660 उम्मीदवारों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इन प्रशिक्षणों में सैल फोन मुरम्मत, मधुमक्खी पालन, सिलाई, वस्त्र चित्रकला, मशरूम उत्पादन व ब्यूटी पार्लर इत्यादि व्यवसायों में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। ग्रामीण प्रशिक्षण संस्थान में लड़के व लड़कियों को अलग से रहने व खाने-पीने की नि:शुल्क व्यवस्था रहती है। यह है आवेदन की प्रक्रिया ग्रामीण बीपीएल परिवार से संबंधित 18 से 45 वर्ष आयु के युवा व युवतियां आरसेटी के प्रशिक्षण के लिये आवेदन कर सकते हैं। यह आवेदन आरसेटी के शिमला रोड, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के समीप कार्यालय में जाकर किया जा सकता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम आरसेटी के राज्य निदेशक तथा यूको बैंक के अग्रणी प्रबंधक के नेतृत्व में संपन्न किए जाते हैं। जिला आरसेटी के स्टाफ की भी प्रशिक्षण प्रदान करने में अहम भूमिका रहती है। जिला के पात्र युवा-युवतियों को प्रशिक्षण के लिये जागरूकता कार्यक्रम भी करवाए जा रहे हैं ताकि युवा आत्मनिर्भर बनने के लिये किसी न किसी व्यवसाय में दक्षता हासिल कर सके।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली मुलाक़ात की। जयराम ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री से प्रदेश में बारिश से हुई क्षति पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने केंद्र द्वारा प्रदेश को आपदा की घड़ी में दिये गये सहयोग के लिए व्यक्तिगतरूप से मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद दिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का व्यक्तिगत और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उनसे मैंने प्रदेश को और अधिक मदद देने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की बात कही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र को कीर्तपुर से सुंदरनगर फ़ोर लेन हाईवे के उद्घाटन के लिए हिमाचल प्रदेश आने के लिए निवेदन किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के द्वारा घोषित आपदा राहत पैकेज में केंद्र का बड़ा हिस्सा है।
-नई हेलीकाप्टर सेवाओं से राज्य में पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां कहा कि चंबा, पालमपुर, रक्कड़ (कांगड़ा) और रिकांगपिओ हेलीपोर्ट के लिए किफायती हवाई किराए पर हेलीकाप्टर सेवाएं शीघ्र ही शुरू होने वाली हैं। उन्होंने कहा कि यह हेलीपोर्ट उड़ान योजना के तहत चिन्ह्ति किए गए हैं और यहां के लिए उड़ानें शुरू होने से दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों के लोगों के लिए हवाई यात्रा अधिक सुलभ हो जाएगी और इससे इन क्षेत्रों में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये नई हेलीकाप्टर सेवाएं पर्यटन और स्थानीय आबादी दोनों के लिए वरदान साबित होंगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल को पर्यटन राज्य के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में पर्यटन बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने, पर्यटकों की संख्या बढ़ाने और हवाई संपर्क में और सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जिला मुख्यालयों पर हेलीपोर्ट स्थापित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार भी प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के अथक प्रयासों से हवाई सम्पर्क सेवाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अमृतसर से कुल्लू के भुंतर तक हवाई उड़ानें आरम्भ हो चुकी हैं जोकि राज्य में पर्यटकों की आमद में बढ़ोतरी में मददगार साबित होगा क्योंकि अमृतसर हवाई अड्डा विभिन्न घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ने वाला एक प्रमुख केंद्र है।
-विधायक ने समलोटी में जिला स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में नवाजे विजेता भाषा ही विकास की सारथी है विद्यार्थियों को सभी भाषाओं का ज्ञान होना जरूरी है। यह उद्गार पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने बुधवार को सीनियर सेकेंडरी स्कूल समलोटी में जिला स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता कार्यक्रम के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में हमारा देश अपनी संस्कृति और सभ्यता के लिए पहचाना जाता है। इसकी यह पहचान इसकी भाषा के कारण ही है। कई भाषाएं अपने भीतर कई परंपराओं को समेटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है तथा संस्कृत संस्कारों की भाषा है। उन्होंने कहा कि हमारे हिमाचल प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों को क्वालिटी शिक्षा देने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इस संस्कृत प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यालयों के बच्चों और अध्यापकों की प्रशंसा की। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन के दौरान इस जिला स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए इसके आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने स्कूल की छात्रा वंशिका गोस्वामी और उनके शारीरिक शिक्षा अध्यापक कैलाश शर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर बॉक्सिंग में सिल्वर मेडल प्राप्त करने के लिए बधाई दी। उन्होंने पाठशाला के विकास के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। संस्कृत अकादमी हिमाचल प्रदेश के अधिकारी केशवानंद ने मुख्य अतिथि को इस प्रतियोगिता के बारे में संबोधन दौरान जानकारी दी। उन्होंने मुख्य अतिथि से संस्कृत जो कि हमारी सबसे पौराणिक भाषा है इसे इसका उचित दर्जा दिलाने की अपील की। इसके उपरांत पाठशाला के प्रधानाचार्य एनडी शर्मा ने संबोधन दौरान मुख्य अतिथि को इस संस्कृत प्रतियोगिता के बारे में जानकारी दी। पाठशाला के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना सहित अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्यातिथि ने जिला स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में विजय प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और सम्मान राशि और सभी को प्रतियोगिता प्रमाण पत्र वितरित किए। आज के इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहित एसडीएम मुनीष शर्मा, प्रधानाचार्य नारायण दत्त शर्मा, हिमाचल संस्कृत अकैडमी शिमला से केशवानंद, बृहस्पति मिश्रा, विजय अवस्थी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मानसिंह, कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रताप रियाड़, सुमित्र, संतोष कुमार, मसंद, दिवाकर, सतपाल, डीएसपी, बीएमओ रूबी भारद्वाज, संदीप अवस्थी, लीलाधर, अमर सिंह वर्मा, अविनाश, विभिन्न स्कूलों से आए हुए अध्यापक और छात्र मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु का शाहपुर में भव्य स्वागत किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का 22 अक्तूबर को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रवास प्रस्तावित है। इसके साथ ही एक विशाल जनसभा भी शाहपुर विस क्षेत्र में आयोजित की जाएगी। प्रवास की तैयारियों को लेकर शाहपुर में विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शाहपुर एवं ब्लॉक् कांग्रेस के सभी अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों सहित कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खु के प्रवास की तैयारियों को लेकर सभी पदाधिकारियों को तैयारियों में जुटने के लिए कहा गया है इसके साथ ही विभिन्न कमेटियां भी गठित की जाएंगी। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कई सौगातें दी हैं तथा उनका आशीर्वाद हमेशा शाहपुर विस क्षेत्र के लिए मिला है। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि आपदा के दौरान भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु ने ग्रांउड जीरो पर रहकर आपदा प्रभावितों की मदद में कोई कमी नहीं छोड़ी है इसी तरह से शाहपुर विस क्षेत्र के आपदा प्रभावितों के लिए भी खुलकर मदद प्रदान की है। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि वर्तमान सरकार बिना किसी भेदभाव के समग्र विकास सुनिश्चित कर रही है तथा राज्य सरकार ने 4500 करोड़ का आपदा पैकेज राज्य के प्रभावित क्षेत्रों तथा लोगों के जारी कर पूरे देश भर में एक मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खु से शाहपुर विस क्षेत्र के लिए जो भी मांगा है उसको पूरा किया गया है।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 अक्तूबर को आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत सोलन के साथ लगते कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी आज यहां बोर्ड के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 20 अक्तूबर को प्रात: 10.00 बजे से सायं 05.00 बजे तक ओच्छघाट, नन्दों, फगंड़ी, कुंडला, क्यार, बसाल, कालाघाट एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति तथा अन्य कारणों से उपरोक्त तिथि एवं समय में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री श्री जगत सिंह नेगी गुरुवार को डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस अवसर पर बागवानी मंत्री हिमाचल प्रदेश बागवानी विकास परियोजना के अंतर्गत 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित उन्नत पत्ती और मिट्टी विश्लेषण प्रयोगशाला के सैंपल प्रसंस्करण खंड का उद्घाटन करेंगे। बागवानी मंत्री विश्वविद्यालय के फलों की नर्सरी और जीन बैंक का दौरा करेंगे। इसके अलावा, वह टिशू कल्चर, इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी और वन उत्पाद प्रयोगशालाओं का भी दौरा करेंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के साथ एक संवाद सत्र भी आयोजित किया जाएगा।
लोक निर्माण, युवा सेवाएं और खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह 20 अक्तूबर को सोलन के प्रवास पर आ रहे हैं। विक्रमादित्य सिंह दोपहर 12.10 बजे स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मन्त्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल के साथ कण्डाघाट उपमण्डल के ध्यारीघाट से बीशा तक सड़क की आधाशिला रखेंगे। लोक निर्माण मंत्री तदोपरांत स्वास्थ्य मंत्री के साथ दोपहर 1.00 बजे कण्डाघाट खेल मैदान तथा 50 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल का निरीक्षण भी करेंगे। विक्रमादित्य सिंह तत्पश्चात इसी दिन दोपहर 1.45 बजे डॉ. शांडिल के साथ कण्डाघाट उपमण्डल के कशाउला में डीडीएल फैक्टरी से चौरा मार्ग पर अश्वनी खड्ड पर निर्मित किए जाने वाले पुल के स्थान का निरीक्षण करेंगे। खेल मन्त्री इसके उपरांत दोपहर बाद 2.30 बजे कण्डाघाट उपमण्डल की ग्राम पंचायत दंघील के गांव जखीड़ में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला कबड्डी टीम की खिलाड़ी ज्योति ठाकुर के लिए आयोजित बधाई समारोह में उपस्थित रहेंगे।
बौद्धिक संपदा अधिकार सैल शूलिनी विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों ने कानूनी विज्ञान संकाय, शूलिनी विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ, ज्ञान अर्थव्यवस्था के लिए आईपी के विकास का पोषण विषय के तहत नई दिल्ली में आयोजित 2023 वार्षिक राष्ट्रीय बौद्धिक संपदा सम्मेलन में भाग लिया। वार्षिक राष्ट्रीय बौद्धिक संपदा सम्मेलन में भारत सरकार के वाणिज्य और उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण और कपड़ा मंत्री पियूस गोयल और राज्य मंत्री सोम प्रकाश सहित प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण डब्ल्यूआईपीओ के महानिदेशक डेरेन टैंग द्वारा दी गई अंतर्दृष्टि थी। सम्मेलन के दौरान, पीयूष गोयल ने दूरदर्शी विचार साझा किए जो नवाचार और बौद्धिक संपदा में भारत की अग्रणी स्थिति को रेखांकित करते हैं। शूलिनी विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों, जिनमें हिमांशु शर्मा, वरिष्ठ प्रबंधक आईपी, और पवन, आईपी प्रबंधक शामिल थे, ने गर्व से अनुसंधान और नवाचार के प्रति संस्थान के समर्पण का प्रदर्शन किया। कानूनी विज्ञान शूलिनी विश्वविद्यालय के छात्र और संकाय सदस्य सक्रिय रूप से सार्थक चर्चाओं में शामिल हुए, अपनी बहुमूल्य अंतर्दृष्टि साझा की, और बौद्धिक संपदा के क्षेत्र में कुछ प्रतिभाशाली दिमागों के साथ नेटवर्क बनाया। शूलिनी विश्वविद्यालय के आईपीआर सेल ने पिछले तीन वर्षों से आईपी इंडिया रैंकिंग में शीर्ष 10 में लगातार उपस्थिति बनाए रखी है। यह उपलब्धि बौद्धिक संपदा की सुरक्षा और उन्नति के प्रति विश्वविद्यालय के अटूट समर्पण का प्रमाण है।
ढलियारा खड्ड में स्थित दयाल पंचायत के खेल मैदान में वीरवार से कबड्डी टूर्नामेंट शुरू होने जा रहा है। इसका आयोजन मां बगलामुखी खेल कमेटी नैहरन पुखर/ढलियारा करवा रही है। 19 से 21 अक्टूबर तक चलने वाली इस खेल प्रतियोगिता में हिमाचल समेत हरियाणा, पंजाब और दिल्ली की भी करीब 40 टीमें भाग लेने जा रही हैं। इसमें सीनियर और अंडर-19 के वर्ग बनाए गए हैं। कमेटी के संयोजक अजय कुमार व वीरेंद्र मनकोटिया और प्रधान मनोज कुमार ने बताया कि सीनियर टीम के विजेता को 71 हजार और उप विजेता को 51 हजार रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। अंडर-19 वर्ग में यह इनाम 21 और 11 हजार रुपये है। प्रतियोगिता का उद्घाटन श्रीबाला जी अस्पताल कांगड़ा के प्रबंध निदेशक डॉ. राजेश शर्मा करेंगे। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के रहने और खाने का प्रबंध कमेटी की ओर से किया गया है। खेल को प्रोत्साहन देने के लिए किसी टीम से एंट्री फीस भी नहीं ली जा रही है। वहीं, संयोजक अजय कुमार व वीरेंद्र मनकोटिया ने कहा कि कबड्डी भारत में खेले जाने वाले सबसे रोमांचक खेलों में से एक है जिसमें जीतने के लिए ऊर्जा और रणनीति दोनों की आवश्यकता होती है। कबड्डी एक ऐसा खेल है जिसकी शुरुआत पहले भारत के दक्षिणी भाग में हुई थी, जहां खिलाड़ियों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया था, लेकिन अब, यह पूरे देश में व्यापक रूप से खेला जाता है।
-कैंप में स्वयंसेवियों ने पूलन गांव के रास्तों की मरम्मत व सफाई की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पूलन में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का आज समापन हो गया। समारोह कार्यक्रम में राजेश भोगल प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पूलन ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। एनएसएस अधिकारी उषा कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह समारोह सात दिन चला। उन्होंने समरोह के अंतिम दिन एनएसएस विशेष शिवर में स्वयसेवियों द्वारा किए गए कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि स्वयसेवियों द्वारा शिविर के दौरान गोद लिए गांव पूलन में रास्तों की मरम्मत व सफाई के साथ प्रारंभिक स्वास्थ्य केंद्र पूलन की ओर जाने वाले रास्ते की सफाई भी की। शिविर के समापन पर कार्यक्रम अधिकारी ने स्वयंसेवियों को समाज की सुरक्षा व सेवा के लिए प्रेरित किया। एनएसएस अधिकारी उषा कुमारी ने कहा कि एनएसएस से बच्चों में समाज सेवा की भावना का संचार होता है। शिविरों में प्रतिभाग करने से बच्चों में निखार आता है। एनएसएस शिविर जागरूकता के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि समाज में फैली बुराइयों को दूर करने के लिए सभी लोगों से एकजुट होने की जरूरत है।
लदोह के आदित्य राणा को राष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए सोना जीतने पर वारिष्ठ भाजपा नेता घनश्याम शर्मा ने शुभकामनाएं दी हैं। गौरतलब है कि आदित्य ने मात्र 16 वर्ष की आयु में राष्ट्रीय स्तर पर पॉवर लिफ्टिंग में दो स्वर्ण पदक जीतकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घनश्याम शर्मा ने बुधवार को ग्राम पंचायत लदोह में आदित्य राणा के निवास स्थान पर पहुंचकर उन्हें टोपी और शॉल पहनाकर सम्मानित किया। शर्मा ने आदित्य को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। घनश्याम ने कहा कि जो युवा इस समय नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं, उन्हें आदित्य से प्रेरणा लेनी चाहिए और खेल जगत में अपना ध्यान लगाना चाहिए। उन्होंने बच्चों खास्कर युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल गतिविधियों व साहसिक खेलों में भाग लेने का आग्रह किया, ताकि देश, प्रदेश व इलाके का नाम रोशन हो तथा आगामी पीढ़ी भी ऐसे प्रतिभावान युवाओं से प्रेरणा लेकर आगे बढ़े। घनश्याम शर्मा ने कहा कि देश के लिए समर्पित ऐसे युवाओं के लिए स्वयं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मिलकर विशेष अनुदान का प्रावधान करवाएंगे। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष जयसिंहपुर मनीषा शर्मा, लदोह पंचायत के उप्रधान राजेश कुमार (राजू) तथा अन्य गांव के स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मुख्य संसदीय सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लोक निर्माण तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी ने युवाओं से आग्रह किया कि जीवन में कभी भी संघर्ष से घबराएं नहीं। संजय अवस्थी आज सोलन ज़िला के राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की में आयोजित ज़िला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता को संबोधित कर रहे थे। प्रतियोगिता में ज़िला के 8 शिक्षा खंडों की 07 टीमों ने भाग लिया। संजय अवस्थी ने कहा कि युवा काल में सही दिशा में किया गया संघर्ष ही भविष्य में सफल जीवन का आधार बनता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सदैव परिश्रम एवं समर्पण के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि संघर्ष की भट्टी में तपकर ही प्रतिभा उच्चतम स्तर का निखार प्राप्त करती है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वह अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सदैव प्रयत्नशील रहें। उन्होंने कहा कि युवाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में अग्रणी रहना होगा। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि देश एवं प्रदेश के सत्त विकास के लिए युवाओं की असीमित ऊर्जा को उचित दिशा दी जानी ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जहां युवाओं को नशे से दूर रहना होगा वहीं हम सबको यह सुनिश्चित बनाना होगा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा एवं समय पर अवसर मिलें। इस दिशा में प्रदेश सरकार योजनाबद्ध कार्य कर रही है। संजय अवस्थी ने कहा कि युवाओं को विश्व स्तरीय शिक्षा सुविधा एवं अन्य अधोसंरचना प्रदान करने के लिए राज्य सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक राजीव गांधी डे-बोर्डिंग विद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह विद्यालय समग्र शिक्षा के मन्दिर बन कर उभरेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू राज्य के प्रत्येक बच्चे का भविष्य सुरक्षित बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना इसी दिशा में सशक्त प्रयास है। उन्होंने कहा कि सुखाश्रय योजना के तहत प्रदेश सरकार ने 4000 अनाथ बच्चों को 'चिल्ड्रन ऑफ द स्टेटÓ के रूप में अपनाने का निर्णय लिया है। योजना के अन्तर्गत अब तक इन बच्चों को 4.68 करोड़ रुपए के लाभ हस्तांतरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की जन हितैषी सोच को आत्मसात करना होगा। संजय अवस्थी ने प्रतियोतिा में उपस्थित छात्रों से आग्रह किया कि राज्य सरकार की ऐसी सभी योजनाओं को समझकर ज़रूरतमंदों को इनकी जानकारी दें ताकि सभी पात्र इनसे लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि युवा संसद कार्यक्रम छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर रूप से तैयार करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने आशा जताई कि यह कार्यक्रम युवाओं को उचित राजनीतिक सोच प्रदान करने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की में संगीत एवं रसायन विज्ञान अध्यापक का पद शीघ्र भरने का आश्वासन दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय में शौचालय निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कर प्रेषित करें ताकि आवश्यकता अनुरूप धनराशि उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने आयोजन समिति को 21,000 रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की।
-सैकड़ों मजदूरों के साथ आईजीएमसी के बाहर किया प्रदर्शन आईजीएमसी के दो सौ के लगभग सफाई, वार्ड अटेंडेंट, सुरक्षा, नर्सिंग, डेटा एंट्री ऑपरेटर व अन्य कोविड कर्मियों तथा 24 सुरक्षा कर्मियों को नौकरी से बाहर निकालने पर आईजीएमसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन संबंधित सीटू ने आईजीएमसी शिमला के बाहर मौन प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सैकड़ों मजदूरों के साथ ही दो महीने के शिशु के साथ नौकरी से निकाली गई रेणु ठाकुर व पिछले एक महीने से तीन ऑपरेशनों से गुजरे उनके पति सुरेंद्र ठाकुर भी शामिल हुए। इस दौरान आईजीएमसी कर्मियों ने काम बंद रखा। यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर नौकरी से निकाले गए सुरक्षा कर्मियों व कोविड कर्मियों को न्याय न मिला तो आंदोलन तेज होगा। सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा व जिला कोषाध्यक्ष बालक राम ने कहा कि आईजीएमसी से दो सौ कोविड योद्धाओं को नौकरी से बाहर करना मानवता को शर्मसार करने की घटना है। उन्होंने कहा कि 24 सुरक्षा कर्मियों के नौकरी से बाहर करना देश के कानून का गला घोंटना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा गार्ड को दिए गए सुरक्षा कर्मियों के ठेके में महाघोटाला हुआ है। इस पर कार्रवाई करने के लिए देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल व मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जांच की मांग की जाएगी। इस घोटाले में शामिल अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। टेक्निकल बिड इवैल्यूएशन के 70 अंकों के आधार पर सिक्योर गार्ड कंपनी ठेके के लिए एप्लाई करने के लिए भी पात्र नहीं थी क्योंकि उसके 70 में से शून्य अंक हैं। ठेके के लिए वर्ष 2019 से हर साल इनकम टैक्स रिटर्न भरना अनिवार्य था, परंतु कंपनी सितंबर 2020 में बनी तो फिर इसने वर्ष 2019 का आयकर कैसे भर दिया। कंपनी को ठेके की शर्तों के अनुसार वर्ष 2017 से 2022 तक के पांच वर्षों में एक जगह पर 100 से अधिक व कुल 300 सुरक्षा कर्मियों से कार्य अनुभव होना अनिवार्य था, परंतु कंपनी का कार्य अनुभव तो तीन वर्ष का भी नहीं है। इस तरह कंपनी को ठेका मिलना तो दूर की बात यह कंपनी बिडिंग प्रक्रिया में शामिल होने के लिए भी पात्र नहीं थी। इस घोटाले को जनता में उजागर किया जाएगा व इसके खिलाफ उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। उन्होंने आईजीएमसी में कर्मियों को नौकरी से बाहर करने व ठेके में हुए घोटाले के खिलाफ आंदोलन तेज करने का आह्वान किया है। आंदोलन के तहत जेल भरो, गिरफ्तारियां, चक्का जाम, राजभवन मार्च, सचिवालय मार्च व ओक ओवर मार्च किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र लाल, सुरक्षा कर्मी यूनियन अध्यक्ष देवराज बबलू, सफाई कर्मी यूनियन अध्यक्षा निशा व महासचिव सरीना ने कहा कि आईजीएमसी में अंग्रेजों के ज़माने के काले कानून आज भी जारी हैं। यहां हायर एंड फायर नीति जारी है व कानून का गला घोंट कर दो सौ कोविड कर्मियों व 24 सुरक्षा कर्मियों को नौकरी से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मियों को नौकरी से बाहर करने का निर्णय गैर कानूनी है। इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी में सुरक्षा कर्मियों व कोविड कर्मियों की मानसिक प्रताड़ना की जा रही है। ठेकेदार बदलने पर उन्हें नौकरी से निकाला जा रहा है जोकि यूनियन से आईजीएमसी प्रबंधन द्वारा किए गए समझौते व औद्योगिक विवाद अधिनियम की धारा 25 एच का खुला उल्लंघन है। आईजीएमसी प्रबंधन भी नए ठेकेदार के साथ मिलकर श्रम कानूनों की खुली अवहेलना कर रहा है।
सहायक आयुक्त सुभाष गौतम ने बताया कि टांडा फील्ड फायरिंग रेंज में भारतीय सेना द्वारा 19 और 20 अक्तूबर को प्रात: 7 बजे से सायं 5 बजे तक फायरिंग का अभ्यास किया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत कोहाला, कच्छयारी, खोली, घुरकड़ी के लोगों से अपील की है कि इस दौरान वह फायरिंग रेंज में न स्वयं जाएं तथा अपने पालतु पशुओं को भी न जाने दें ताकि किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि से बचा जा सके।
-21 से 25 अक्तूबर तक नाहन में कोचिंग लेंगे दोनों होनहार -27 से 30 अक्तूबर तक हमीरपुर में होंगी राज्य स्तरीय खेलें जिला सिरमौर के राजकीय प्राथमिक स्कूल कुफर कायरा के 2 बच्चों माधवी ठाकुर व दक्ष शर्मा का राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। ये खिलाड़ी 21 से 25 अक्तूबर तक नाहन में कोचिंग कैंप में भाग लेंगे और 27 से 30 अक्तूबर तक हमीरपुर में होने वाली स्टेट गेम्स में भाग लेंगे। स्कूल के मुख्य अध्यापक तपेंदर व अध्यापिका कमलेश ने बच्चों को राज्य स्तरीय खेलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने बच्चों को खेल प्रतियोगिता के लिए तैयार करने के लिए धावक वीरेंद्र सिंह का भी आभार प्रकट किया है। वहीं, स्टेट गेम्स के लिए चयनित बच्चों ने कहा कि उन्हें तैयार करने में अध्यापक रूप राज और धावक वीरेंद्र की विशेष भूमिका रही है। उधर, धावक वीरेंद्र सिंह ने दोनों बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


















































