स्थानीय विधायक सुधीर शर्मा ने आज प्रेस को जारी एक बयान में कहा कि विधायक प्राथमिकता बैठक में इलाके की समृद्धि व उन्नति के लिए रखी गई मांगों की मंजूरी मिल गई है, जिसके अंतर्गत धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में 26 संपर्क सड़क मार्गों का निर्माण व संवर्धन किया जाएगा। इसके अंतर्गत नाबार्ड के सहयोग से क्षेत्र में 13 संपर्क सड़क मार्गों का निर्माण करवाया जाएगा, जिसमें हीरू दुशालनी संपर्क मार्ग, ग्राम पंचायत कंड करडियाना में वार्ड 4,5 के लिए संपर्क मार्ग, चकबन टीला से भरेड़ी धरूं पटोला के लिए संपर्क मार्ग, अलखन से जुल बगियाड़ा व जुल से फाटी गांव तक संपर्क मार्ग, अल्खन से बंजर अंद्राड संपर्क मार्ग, मान टी एस्टेट दाड़ी से खनियारा के लिए संपर्क मार्ग, गमरू से हीरू संपर्क मार्ग, न्यू बाघनी तपोवन बृह घिआना संपर्क मार्ग, खिडकू से सलिग, डल लेक नड्डी से मैकलोडगंज, कंड करडियाना से इक्कु खड़ पटोला होते हुए, धर्मकोट से नड्डी तक संपर्क मार्ग का निर्माण करवाया जायेगा, साथ ही ग्रामीण आधारभूत विकास निधि के अंतर्गत 4 संपर्क मार्ग बनाए जायेंगे, जिसमें मोहली ठेहड सोकनी दा कोट से पंचायत घर पटोला तक संपर्क मार्ग, चीलगाड़ी से रोडीकुट वाया निचला सकोह गदियाडा संपर्क मार्ग के शेष कार्य का निर्माण, खनियारा कसवा अंद्राड टिक्करी के सुधारी करण, योल बरवाला बंनरोडू का सुधारीकरण शामिल है। क्षेत्र के लोगों की काफी पुरानी मांगों को मंजूर करते हुए उन्होंने यह स्वीकृति दिलवाई है। 6 पुलों का होगा निर्माण उन्होंने यह भी बताया कि धर्मशाला हलके में लोगों को आने जाने की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के हर गांव को संपर्क सड़क मार्ग से जोड़ा जाएगा, जिसके लिए ग्राम पंचायत पद्दर और ग्राम पंचायत रसेहड़ को जोड़ने हेतु इक्कू भागण खड़ पर केटी पुल का निर्माण, न्यू बाघनी तपोवन को जोड़ने के लिए रसा नाले पर पुल निर्माण, बड़ोई चौक से पटोला वाया सकोली सड़क हेतु भागन खड्ड पर पुल निर्माण, मैकलोडगंज भागसूनाग टऊ चोला को जोड़ने हेतु चुरान खड़ पर पुल निर्माण, हीरू दुशालन गमरु चोला संपर्क सड़क हेतु चुरान खड्ड पर पुल निर्माण , ढगवार चकवन से मसरेहड़ सड़क को जोड़ने के लिए घुरलू नाले पर पुल निर्माण करवाया जायेगा ताकि लोगो के लिए आवागमन को सुचारू रूप से चलाया जा सके।
ईकोल ग्लोबल स्कूल देहरादून द्वारा द इंटरनेशनल स्कूल अंडर-14 गर्ल्स फुटबॉल चैंपियनशिप ‘दून कप-2023’ का आयोजन किया गया। चैंपियनशिप में मेज़बान स्कूल सहित देश-विदेश के कुल 9 विद्यालयों नें भाग लिया, जिनमें एशियन स्कूल देहरादून, क्रीडेन्स स्कूल दुबई, ईकोल ग्लोबल स्कूल देहरादून, हिमज्योति स्कूल देहरादून, होपटाऊन स्कूल देहरादून, पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर, श्री राम स्कूल देहरादून, वाइनबर्ग ऐलेन स्कूल मसूरी और जेम्स स्कूल दुबई शामिल हुए। पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर की युवा फुटबॉल बालिका खिलाड़ियों नें सभी मैचों में शानदार खेल का प्रदर्शन कर एक के बाद एक जीत हासिल की और प्रतिस्पर्धा पर कब्ज़ा किया। पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर ने कुल 6 मैच खेले और सभी में शानदार जीत हासिल की। पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर ने पहला मैच श्री राम स्कूल देहरादून के खिलाफ 9-0 से, दूसरा मैच क्रीडेन्स स्कूल दुबई से 5-0 के अंतर से तथा तीसरे मैच में वाइनबर्ग ऐलेन स्कूल मसूरी के साथ 3-0 के स्कोर से विजय हासिल की। चौथे मैच में मेज़बान ने स्कूल ईकोल ग्लोबल स्कूल देहरादून को 6-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में पाइनग्रोव स्कूल का मुकाबला हिमज्योति स्कूल देहरादून से हुआ जिसमें पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर ने जीत का सिलसिला ज़ारी रखते हुए हिमज्योति स्कूल देहरादून को 5-0 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया फाइनल में पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर और एशियन स्कूल देहरादून का मुकाबला हुआ। पाइनग्रोव स्कूल ने एशियन स्कूल देहरादून को 3-1 से हराकर चैंपियनशिप पर कब्ज़ा किया। पाइनग्रोव स्कूल के कोच मिस्टर संदीप नें खुशी ज़ाहिर करते हुए कहा कि लड़कियों नें सुबह शाम फील्ड में पसीना बहाया, जी-जान से मेहनत की, जिसका परिणाम यह चमचमाती ट्रॉफी है। वे सभी खिलाड़ियों के खेल से अति प्रसन्न हैं। पाइनग्रोव स्कूल के हेड ऑफ स्पोर्ट्स मिस्टर सुरेंद्र मेहता नें मंच से संबोधित करते हुए कहा कि सभी मैच देखने लायक थे। पाइनग्रोव स्कूल की सभी खिलाड़ी अत्यंत उच्च स्तर के खेल कौशलों के साथ खेलते हुए दर्शकों को अचंभित कर रही थीं। पाइनग्रोव स्कूल की विजेता टीम का विद्यालय में भव्य स्वागत किया गया और केक काटकर उन्हें सम्मान दिया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य संजय चौहान, हेड एलीमेंट्री डॉ. किरण अत्री, हेड एक्टिविटी एवं एडमिनिस्ट्रेटर मिस्टर विशाल, हेड पेस्टोरल केयर मिस्टर सुनील वर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। पाइनग्रोव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह, प्रबंधन प्रमुख मिस समीक्षा सिंह, स्पेशल एजुकेटर मिस श्रिया ने अपने संदेश में टीम एवं विद्यालय परिवार को अपार बधाई नह है।
पुलिस थाना धर्मशाला की टीम ने पंजाब के युवक से 7.71 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। धर्मशाला पुलिस ने नरवाणा खास में दिवांश निवासी हाउस नंबर 1453/39 अमरीक नगर जालंधर-1 (पंजाब) से 7.71 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस संदर्भ में जेर धारा 21,25-61-85 स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम में मामला पंजीकृत किया गया है। एसपी शालिनी अग्रिहोत्री ने इसकी पुष्टि की है।
प्रदेश सरकार की स्वर्ण जयंती आश्रय योजना करसोग क्षेत्र के गरीब, पिछड़े व अल्प संख्यक वर्ग के लोगों के लिए सच में ही गोल्ड साबित हुई है। इस योजना के माध्यम से क्षेत्र के गरीब, पिछड़े व अल्प संख्यक वर्ग के लोगों का अपना पक्का घर होने का सपना साकार होगा। योजना के तहत करसोग क्षेत्र में बनने वाले सैकड़ों घरों का निर्माण करने को राज्य सरकार नेे स्वीकृति प्रदान कर दी है। इन घरों को बनाने पर राज्य सरकार लगभग 3 करोड़ रुपये से अधिक की धन राशि व्यय करेगी। योजना का लाभ पाने के लिए चयनित प्रत्येक लाभार्थी को योजना के तहत अपने सपनों का आशियाना बनाने के लिए प्रति घर एक लाख 50 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। करसोग क्षेत्र के लिए यह पहला मौका है कि एक साथ इतने अधिक, सैकड़ों मकान क्षेत्र के गरीब, पिछड़े व अल्प संख्यक वर्ग के लोगों के लिए स्वीकृत किए गए हैं। गत वर्षो में क्षेत्र के लोगों के लिए स्वीकृत किए गए मकानों की संख्या पर नजर डाली जाए तो एक वर्ष में 50-60 से ज्यादा मकान स्वीकृत नहीं होते थे, जबकि इस वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार की ओर से एक साथ 215 लोगों के सपनों को पूरा करने के लिए अपनी स्वीकृती प्रदान की है। क्षेत्र के लोगों को यह सौगात, राज्य की सुख की सरकार के प्रयासों से संभव हुई है। दो किस्तों में मिलेगा पैसा चयनित सभी पात्र लाभार्थियों को पैसा दो किस्तों में दिया जाना है। क्षेत्र के लिए स्वीकृत कुल 215 घरों का निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए विभाग की ओर से पहली किस्त के रूप में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की धन राशि सभी चयनित लाभार्थियों को प्रदान की जानी है। जिसकी प्रक्रिया विभाग द्वारा शुरू कर दी गई है। करसोग के तहसील कल्याण अधिकारी भोपाल शर्मा ने बताया कि स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत करसोग क्षेत्र के लिए इस वर्ष 215 मकान स्वीकृत हुए है। इन मकानों के निर्माण पर लगभग 3 करोड़ रुपये से अधिक की धन राशि व्यय की जानी है। सभी चयनित लाभार्थियों को योजना के तहत वित्तीय सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट की और उनके साथ विभिन्न द्विपक्षीय मामलों पर सारगर्भित चर्चा की। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को अवगत करवाया कि हिमाचल सरकार की ओर से हिमाचल में स्थापित जल विद्युत परियोजनाओं पर लगाए जाने वाले उपकर से हरियाणा को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश द्वारा लगाया जाने वाला जल उपकर, जल पर नहीं अपितु प्रदेश में कार्यरत लगभग 172 जल विद्युत परियोजनाओं पर विद्युत उत्पादन पर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल उपकर के विषय में भ्रांतियों का निवारण ही आज की बैठक का उद्देश्य है। जल उपकर के विषय में बैठक में सार्थक चर्चा की गई। बैठक में रेणुका बांध परियोजना तथा हिमाचल, हरियाणा और उत्तराखंड की संयुक्त किशाऊ जल विद्युत परियोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सरस्वती नदी के उद्गम स्थल आदिबद्री परियोजना के कार्यान्वयन के संबंध में भी चर्चा की गई। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विभिन्न संयुक्त परियोजनाओं के कार्यान्वयन में अनावश्यक देरी जहां एक ओर परियोजना की लागत को बढ़ाती है। वहीं परियोजना के लाभ देरी से मिलने से योजना का उद्देश्य पूर्ण नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि विभिन्न परियोजनाओं के विषय में दोनो राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक कर भावी नीति निर्धारित करेंगे। उन्होंने हरियाणा को हिमाचल प्रदेश में जल विद्युत परियोजनाओं तथा ग्रीन हाइड्रोजन में निवेश करने का न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में निवेश दोनों राज्यों के लिए हितकारी सिद्ध होगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि जल विद्युत परियोजनाएं भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ पर्यावरण हितैषी भी हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में निवेश पर सार्थक विचार किया जायेगा। बैठक में अंतरराज्यीय सीमा पर भू-संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, हरियाणा के सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोलन वीरेंद्र शर्मा सहित हरियाणा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पत्रकारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना प्रदेश सरकार के विचाराधीन है। सामाजिक रूप से सुरक्षित पत्रकार सदैव अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बनाए रखेगा। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू आज चंडीगढ़ में दि कॉन्फेडेरेशन ऑफ न्यूजपेपर्ज़ एंड न्यूज एजेंसीज एम्पलोईज आर्गेनाईजेशन द्वारा ‘चेलेंजिज बिफोर प्रिंट मीडिया’ विषय पर आयोजित सत्र को मुख्यातिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन दि ट्रिब्यून एम्पलोईज यूनियन चंडीगढ़ द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर पंचवर्षीय योजनाओं के लाभ जनमानस तक पहुंचाने और कल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी से लोगों को लाभान्वित करने में प्रिंट मीडिया की सराहनीय भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश में सूचना के आदान-प्रदान में समाचार पत्रों का अहम योगदान है। इलैक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के वर्तमान समय में प्रिंट मीडिया विस्तृत जानकारी प्रदान करने और लोगों के मीडिया पर विश्वास को कायम रखने में विशेष रूप से सफल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने समाज के उपेक्षित एवं वंचित वर्गों के लिए अनेक नवीन योजनाएं आरम्भ की हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया केे सहयोग से हमारी यह योजनाएं न केवल समय पर लक्षित वर्गों तक पहुंच रही हैं अपितु मीडिया द्वारा समय-समय पर प्रदत्त फीडबैक से यह योजनाएं और बेहतर भी बनेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मार्च, 2026 तक हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण मित्र उद्योग स्थापित करने के लिए कृतसंकल्प है। राज्य में जलविद्युत के समुचित दोहन तथा पर्यटन क्षेत्र के पूर्ण विकास पर बल दिया जा रहा है। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में एशियन विकास बैंक की सहायता से 1311 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन विकास योजना भी आरम्भ की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी योजनाओं के सफल कार्यान्वयन के लिए मीडिया का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना सहित राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल, ग्रीन एनर्जी के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि ट्रिब्यून समूह को विश्वसनीयता और ठोस समाचारों के लिए जाना जाता है। उन्होंने आशा जताई कि समूह भविष्य में भी अपनी लेखनी के माध्यम से विश्ष्टि पहचान कायम रखेगा। वर्तमान में विभिन्न कारणों से मीडिया के समक्ष विश्वसनीयता का संकट प्रत्यक्ष है। मीडिया शीघ्र ही इस चुनौती से भी पार पा लेगा। उन्होंने कहा कि कलम की ताकत सदैव सर्वोच्च रहेगी।
भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर में नगर निगम चुनावों की दृष्टि से जोन प्रभारी, प्रवासी प्रभारी, सह प्रवासी प्रभारी और वार्ड प्रभारियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, नगर निगम चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी, सुरेश भारद्वाज, गोविंद ठाकुर, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, संगठन महामंत्री पवन राणा, पूर्व विधान सभा अध्यक्ष विपिन परमार, मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा उपस्थित रहे। सुखराम चौधरी ने बताया कि भाजपा नगर निगम चुनावों को लेकर अपने मेनिफेस्टो की लॉन्चिंग 23 अप्रैल को आशियाना रिज मैदान से दोपहर बाद 3 बजे करने जा रही है। मेनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष गणेश दत्त, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और भाजपा का समस्त नेतृत्व इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। मेनिफेस्टो में भाजपा शासित नगर निगम शिमला की उपलब्धियों और आगामी विजन को जनता के समक्ष रखा जाएगा। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधायक त्रिलोक जम्वाल ने बताया की भाजपा 24 अप्रैल 2023 को नगर निगम शिमला के सभी 34 वार्डों में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन करने जा रही है। नुक्कड़ सभाओं में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मल्याणा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप संजौली चौक, संजय सूद भराड़ी, राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी कैथू, राज्यसभा सांसद डॉ सिकंदर कुमार फागली, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार राम बाजार, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक राकेश जम्वाल जाखू, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज अप्पर ढली, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल पंथाघाटी, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक त्रिलोक जम्वाल पटयोग और पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी न्यू शिमला में उपस्थित रहेंगे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने आज नगर निगम चुनाव के तहत राम बाजार में पार्टी प्रत्याशी सुषमा कुठियाला के कार्यालय का शुभारंभ किया। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं जीत के लिए एकजुटता के साथ चुनाव प्रचार में जुटने को कहा। इस दौरान उनके साथ मुख्य ससंदीय सचिव आशीष बुटेल, शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा,पूर्व विधायक आदर्श सूद , कांग्रेस उपाध्यक्ष विनीत गौतम,वार्ड प्रत्याशी सुषमा कुठियाला ,संजीव कुठियाला,दवेंद्र शर्मा, हरजीत सिंह मंगा, सुमित गौतम व इस क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। प्रतिभा सिंह ने कहा कि शिमला शहर के विकास के लिए नगर निगम में कांग्रेस का आना बहुत ही आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा शासित नगर निगम लोगों की समस्याओं को दूर करने में पूरी तरह असफल रहा हैं। उन्होंने लोगों से सुषमा कुठियाला को फिर से भारी मतों से जिताने का आह्वान किया। प्रतिभा सिंह कल 10 बजे बेनमोर वार्ड में नरसिंग कॉलेज के समीप कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी शिनम कटारिया के पक्ष में नुक्कड़ सभा करेंगी व दोपहर बाद 2 बजे जाखू में पार्टी प्रत्याशी अतुल शर्मा के पक्ष में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक करेंगी। इस दौरान वह यहां पार्टी कार्यालयों का भी शुभारंभ भी करेंगी।
राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परागपुर में छठी एनसीसी स्वतंत्र कंपनी ऊना के एनसीसी कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल राजेंद्र सैनी, सेना मेडल के आदेशानुसार नए सत्र के लिए एनसीसी कैडेट की भर्ती हुई। इसमें सूबेदार सुनील कुमार एवं हवलदार सुमेश उपस्थित रहे । नए बच्चों की भर्ती के समय बच्चों का दौड़, शारीरिक जांच आदि क्रियाकलाप करवाए गए। अंत में 25 बच्चों को भर्ती किया गया। यह सूचना विवेक शर्मा एनसीसी अधिकारी से प्राप्त हुई।
भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर में नगर निगम चुनावों की दृष्टि से जोन प्रभारी, प्रवासी प्रभारी, सह प्रवासी प्रभारी और वार्ड प्रभारियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, नगर निगम चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी, सुरेश भारद्वाज, गोविंद ठाकुर, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, संगठन महामंत्री पवन राणा, पूर्व विधान सभा अध्यक्ष विपिन परमार, मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा उपस्थित रहे।
शिमला नगर निगम के चुनावों के लिए कसुम्पटी वार्ड नंबर 27 लिए प्रभारी जोगिंदर नगर के विधायक प्रकाश राणा ने प्रचार अभियान के दौरान जनता से कहा कि शिमला स्मार्ट सिटी को आगे बढ़ाने का काम केंद्र की मोदी सरकार द्वारा किया गया है और प्रदेश की पूर्व जयराम सरकार द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में शिमला में भाजपा रही तो 3 फेस से विकास का कार्य हुआ। अब जनता नगर निगम में भाजपा को लेकर के आए तो हम केंद्र के मोदी सरकार के सहयोग से शिमला स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाएंगे, स्मार्ट सिटी के विकास को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता को यह पता है कि केंद्र सरकार से ही स्मार्ट सिटी के लिए फंड आना है। उन्होंने कहा कि हम केंद्र सरकार से फंड ले करके आएंगे, शिमला के विकास को आगे बढ़ाएंगे ,इसलिए जनता शिमला नगर निगम में भाजपा को जीता कर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी में जनता की समस्याओं को हल करने का काम किया जाएगा, विकास को आगे बढ़ाया जाएगा। भाजपा ने मजबूत प्रत्याशी महिला नेत्री रचना झीना शर्मा को उम्मीदवार बनाया है ,जो लगातार कड़ी मेहनत कर वार्ड विकास का दृष्टिकोण लेकर के आगे बढ़ रही है। उन्होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा एक टीम के रूप में काम करने पर सराहना भी की। मेरा लक्ष्य वार्ड को आगे बढ़ाना : रचना इस दौरान रचना झीना शर्मा ने कहा कि वार्ड की समस्याओं को जहां हल किया जाएगा। वहीं मेरी प्राथमिकता रहेगी कि पानी, परिवहन के साथ-साथ जन सुविधाओं का इजाफा किया जाए। उन्होंने वार्ड की बेसिक समस्याओं को हल करना प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सुविधाएं मिले, सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, नगर निगम की सुविधाएं वार्ड तक पहुंचे ऐसा मेरा प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास के लिए जी जान एक करूंगी, जनता के साथ मिलकर हर संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुसुम्पटी वार्ड को सुंदर बनाने के साथ-साथ जागरूकता अभियान के साथ वार्ड में से सामाजिक कुरीतियों को कैसे दूर किया जा सकता है? नशे जैसी समस्या को कैसे हम काबू पा सकते हैं? इस पर वार्ड के मतदाताओं निवासियों को साथ लेकर के घर-घर अभियान चलाने का काम किया जाएगा। रचना झीना शर्मा ने कहा की वार्ड की स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हो, इसके लिए स्वास्थ्य कैंपों का आयोजन, डिस्पेंसरी का बेहतर होना ,चिकित्सा सुविधाएं अच्छी मिले इस सब के लिए प्राथमिकता पर काम करना मेरी पहल होगी। रचना ने कहा कि शिमला नगर निगम स्मार्ट सिटी है और स्मार्ट सिटी का स्मार्ट वार्ड का कुसुम्पटी बनाया जाए यह मेरी मेरा लक्ष्य रहेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में आज कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शिमला नगर निगम चुनाव को लेकर पार्टी के मेनिफेस्टो कमेटी की बैठक हुई। बैठक में मेनिफेस्टो को लेकर कई बिंदुओं पर चर्चा हुई, जल्द ही इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा। बैठक में कहा गया कि शिमला शहर के लिये आम लोगों से जो लिखित सुझाव मांगे गए थे उन पर विचार करने के बाद उन्हें भी मेनिफेस्टो में शामिल किया जाएगा। बैठक में ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक हरीश जनारथा, आशीष बुटेल कांग्रेस महासचिव यशवंत छाजटा, अमित पाल सिंह व देवेंद्र बुशेहरी ने भाग लिया।
राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित सहायक कमांडेंट जितेंद्र सिंह कवंर ने आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह से भेंट की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी।
साई इंटरनेशनल स्कूल सोलन में आज प्री-नर्सरी से 8वीं कक्षा के बच्चों के अभिभावकों के लिए 'ओरिएंटेशन प्रोग्राम' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. एसएन बावा प्रोफेसर एंड एचओडी ऑफ मणिपाल यूनिवर्सिटी और साई बावा एजुकेशन सोसायटी के उपाध्यक्ष, साई बावा एजुकेशन सोसायटी की सचिव कैलाश बावा और कोपल बावा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा सुंदर शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किए गए। वहीँ सभी कक्षा व विषय शिक्षिकाओं ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से शिक्षण पद्धति की जानकारी दी, जिसमें शिक्षिकाओं ने कक्षाओं में उपयोग की जाने वाली अध्यापन तकनीकों और पद्धतियाें का प्रदर्शन किया। अंत में वर्ष 2022-23 के अकादमिक पुरस्कार छात्रों को दिए गए और उनके प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम में मायरा, नायसा, आहिल, गौरी, सार्थक, शिवेन, गरिमा, पार्थव और वेदाशीं आदि को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कोपल बावा ने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व के विकास में स्कूल का प्रमुख योगदान होता है। क्षेत्रीय बच्चों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा व्यवस्था प्रदान करना ही साई इंटरनेशनल स्कूल का उद्देश्य है।
टौणी देवी के प्रमुख व्यवसाई और समाजसेवी विजय बहल ने झन्निकर गांव के युवक मंडल प्रधान राकेश काकू को दो स्ट्रीट लाइटें दान दी हैं। विजय बहल इससे पहले भी कई स्ट्रीट लाइटें दान कर चुके हैं। उन्होंने गवारडू और ठाना दरोगण के मंदिरों के निर्माण के लिए 31-31 हजार रुपए भी दान में दिए। गवारडू शिव मंदिर कमेटी के प्रधान चुनी लाल ने विजय बहल का धन्यवाद किया है। वहीं शिव मंदिर कमेटी ठाणा दरोगन के प्रधान मास्टर भाग सिंह ने मंदिर निर्माण के लिए दान राशि देने पर विजय बहल का आभार जताया है। आपको बता दें कि विजय बहल ने कई अपंग बच्चों की महीने में पेंशन, पढ़ाई का खर्च उठाने, गौशाला निर्माण में सहयोग, शमशानघाटों के निर्माण और जरूरतमंदों की मदद का तत्काल बीड़ा उठाया हुआ है। युवा अवस्था से ही समाज सेवा में जुटे विजय बहल वर्तमान में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से साढ़े तीन सौ लोगों को रोजगार दे रहे हैं। विजय बहल ने बताया कि अपनी नेक कमाई से जरूरतमंद लोगों की मदद करने से उन्हें मानवता की सेवा करने का मौका मिलता है। धीरे-धीरे वह समाजसेवा का दायरा बढ़ा रहे हैं, ताकि आम लोगों को इसका लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कांगड़ा सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष जगदीश सिपहिया के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की तथा ईश्वर से परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की प्रार्थना की। अपने शोक संदेश में ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जगदीश सिपहिया कांग्रेस पार्टी के सच्चे सिपाही थे और पार्टी में उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और शुक्रवार को चंडीगढ़ के एक अस्पताल में उनका निधन हुआ।
शिमला जिला के रामपुर बुशहर के बाल कलाकार मास्टर भाविक राजा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू पर गीत तैयार किया है, जिसे मास्टर भाविक के अलावा प्रसिद्ध गायक डॉ. कपिल शर्मा ने भी अपनी आवाज़ दी है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार देर सांय इस गीत को रिलीज़ किया। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, विधायक रवि ठाकुर, हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय बचत राज्य सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रकाश चन्द कराड़ तथा प्रदेश कांग्रेस सचिव गिन्नी चौहान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश विधान सभा के माननीय अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कांगड़ा कॉ-ऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष जगदीश सिपहिया के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। अपने शोक संदेश में पठानिया ने कहा कि जगदीश सिपहिया 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में सुलह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़े थे तथा पूर्व में कांगड़ा कॉ-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष रह चुके थे। जगदीश सिपहिया कांग्रेस सेवादल के एक अनुशासित नेता भी रहे थे। पठानिया ने कहा कि जगदीश सिपहिया जमीनी स्तर से जुड़े नेता थे। वे एक प्रखर वक्ता थे तथा सीधे तौर पर गरीबों, असहायों तथा समाज में पिछड़े तपकों से जुड़े थे। उनके निधन से प्रदेश को अपूर्णीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई करना मुश्किल है। पठानिया ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है तथा संपूर्ण परिवार को इस असहनीय दु:ख को सहन करने की परम पिता परमात्मा से प्रार्थना की है व दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश मंडी की अदालत में एक व्यक्ति रमेश कुमार गांव सिंहज को अनुसूचित जाति जनजाति से संबंधित एक व्यक्ति भूपेंद्र के साथ मारपीट करने और पीड़ित भूपेंद्र की मृत्यु का कारण बनने का दोष सिद्ध होने पर रमेश कुमार को भारतीय दंड संहिता की धारा 304 भाग 2 के तहत 7 वर्ष के कठोर कारावास के साथ 1,00,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। साथ ही अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(2)(अ) के तहत आजीवन कारावास के साथ 1,00,000 रुपये के जुर्माने की भी सजा सुनाई । आदेश के अनुसार यदि उक्त दोषी जुर्माना अदा नहीं करता है तो दोनों सजा में एक 1 वर्ष का अतिरिक्त कठोर कारावास दोषी को भुगतना पड़ेगा। कारावास की दोनों सजाएं साथ-साथ चलेंगी। लोक अभियोजक मंडी नवीन राही ने बताया कि दिनांक 23-10- 2018 को पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई थी कि 22- 10 -2018 को भूपेंद्र कुमार अपनी बेटी के साथ बाजार गया था। उसकी बेटी घर वापस आ गई थी, जबकि वह घर नहीं आया था। 22-10 -2018 को रात 9:20 पर फोन पर सूचना मिली कि भूपेंद्र कुमार जख्मी हालत में करसोग अस्पताल में था। वहां से उसको शिमला आईजीएमसी और शिमला से चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया। इस घटना के आधार पर दोषी के खिलाफ पुलिस थाना करसोग जिला मंडी में अभियोग संख्या 157- 2018 दर्ज हुआ था। इस मामले की छानबीन के दौरान ही पीजीआई में पीड़ित भूपेंद्र की मृत्यु हो गई थी। मामले की छानबीन पूरी होने पर मामले का चालान थाना अधिकारी करसोग द्वारा अदालत में दायर किया गया था। न्यायालय के समक्ष मामले में सरकार की तरफ से पैरवी जिला न्यायवादी कुलभूषण गौतम ने अमल में लाई थी और अभियोजन पक्ष ने इस मामले में 31 गवाहों के बयान कलमबद्ध करवाए थे।
शिमला नगर निगम के चुनावों के लिए कसुम्पटी वार्ड नंबर 27 के प्रभारी जोगिंदरनगर के विधायक प्रकाश राणा ने कसुम्पटी वार्ड में प्रचार अभियान को गति दी है । प्रकाश राणा भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी रचना झीना शर्मा व उनकी टीम के साथ स्वयं घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं। प्रकाश राणा ने वार्ड नंबर 27 में घर-घर पहुंचकर जनता के साथ संपर्क साधा और जनता से शिमला नगर निगम के विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने का आग्रह किया । उन्होंने कहा कि कसुम्पटी वार्ड के विकास के लिए रचना झीना शर्मा को समर्थन दें ,निश्चित रूप से बेहतरीन प्रत्याशी हैं, जुझारू है और जनता की आवाज को उठाएंगी। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी को आगे बढ़ाने के लिए रचना झीना शर्मा को पार्षद बनाएं। इस अवसर पर प्रकाश राणा ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लिया ,उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए झूठी गारंटियों को दिया अब जनता पछता रही है। उन्होंने कहा कि युवा, महिला, किसान ,बागवान हर वर्ग के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस की सरकार गारंटी शिमला में देने बात कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दी गई गारंटीया पूरी की नही और शिमला नगर निगम की जनता को गारंटी देने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा की जनता कांग्रेस की असलियत जान गई है इसलिए किसी बहकावे में नहीं आएगी, जनता को पता है कि शिमला का विकास भारतीय जनता पार्टी ने किया है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी पुनःशिमला नगर निगम पर काबिज होगी और पूर्ण बहुमत के साथ है नगर निगम बना करके शिमला स्मार्ट सिटी को और आगे विकास में बढ़ाया जाएगा । इस अवसर पर कसुम्पटी की प्रत्याशी रचना झीना शर्मा ने कहा कि जनता का आशीर्वाद स्नेह, जिस प्रकार से मिल रहा है ,निश्चित रूप से उससे हौसला बढ़ा है ।उन्होंने कहा कि मैं वार्ड के विकास के लिए मैदान में हूं और जनता की आवाज को उठाने के लिए मैदान में हूँ । उन्होंने कहा कि वार्ड की समस्याओं को हल करना और कसुम्पटी को शिमला शहर का स्मार्ट कार्ड बनाना मेरा लक्ष्य रहेगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ मिले,शिमला नगर निगम से अधिक से अधिक बजट अपने वार्ड के लिए लाकर के विकास कार्य करवाना ,जनता ने जो समस्याएं बताई हैं उनका हल करना मेरी प्राथमिकता रहेगी। इस अवसर पर कसुम्पटी वार्ड भारतीय जनता पार्टी की टीम व कार्यकर्ता भी प्रचार में उपस्थित रहे।
राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में प्रबंधन विभाग (बीबीए)द्वारा आईपीआर (इंटेलैक्चुअल प्रौपर्टी राइट )दिवस के तहत एक लेक्चर आयोजित किया , जिसमें एडवोकेट विक्रांतजीत सिंह ने चेयरमैन एस डी एल एस सी देहरा के दिशानिर्देशों के तहत मुख्यवक्ता की भूमिका निभाई। इव अवसर पर मुखव्यक्ता ने छात्रों को संबोधित करते हुए भारत सरकार के द्वारा लगातार आईपीआर को प्रोत्साहन के साथ-साथ लोगो को इसकी जानकारी मुहैया करवाना, पैटेंट, डिजाइन पेटेंट एवं कॉपी राइट के साथ-साथ फार्मास्यूटिकल एजुकेशन में आईपीआर की अहम भूमिका को बताया। उन्होंने पेटेंट प्रक्रियाओं को दाखिल करने के विभिन्न तरीकों पर भी चर्चा की। आईपीआर द्वारा आविष्कारों एवं ज्ञान की रक्षा कर आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने छात्रों को अपने ज्ञानकोष में इजाफा करने की सलाह देते हुए कहा कि छात्र नये नये विषयों की जानकारी हासिल करते रहे। इस अवसर प्राचार्य स्वदीप सूद, बीबीए समन्वयक प्रो सुशील भारद्वाज, प्रो कर्ण पठानिया, प्रो बलवित सिंह, प्रो अनुज, प्रो ईशान सूद और बीबीए के छात्र उपस्थित रहे।
राधा कृष्णन पब्लिक स्कूल में पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न गतिविधियां का आयोजन किया गया, जिसमें सभी बच्चों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। इसी के साथ बच्चों ने लदरौर बाजार में रैली निकाली। बच्चों ने नारो के माध्यम से लोगो को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों ने नारों के माध्यम से बताया कि हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए और अपनी धरती को हरा भरा रखना चाहिए ताकि पर्यावरण को स्वच्छ बनाया जा सके। वही स्कूल के अध्यापक ने बताया कि अर्थ डे के उपलक्ष्य पर बच्चों द्वारा लोगों को पर्यावरण के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि बच्चों ने हाथो में तकतिया लेकर नारो के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया।
उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान आगामी 22 व 23 अप्रैल को शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। सरकारी प्रवक्ता ने यह जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि प्रवास कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री, शिलाई विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर जन समस्यायें सुनेंगे। उन्होंने बताया कि उद्योग मंत्री 22 अप्रैल को सांय 3:00 बजे रोहनाट में जन समस्यायें सुनेंगे और 23 अप्रैल को प्रातः 10:00 बजे शिलाई में तथा दोपहर 12:30 बजे टिंबी में जन समस्यायें सुनेंगे। इस के पश्चात उद्योग मंत्री दोपहर 1:30 बजे काफोटा व सांय 3:30 बजे कमरऊ में जन समस्यायें सुनेंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को 15 दिनों के भीतर ड्रोन के उपयोग के संबंध में प्रस्तावित नियम प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने यहां विभाग की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के लोगों की सुविधा और निगरानी व्यवस्था के लिए विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर ड्रोन सक्षम शासन शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने ड्रोन कंपनी के सहयोग से चंबा, कुल्लू और मंडी जिलों में चिकित्सा क्षेत्र से संबंधित परीक्षण किया है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ड्रोन संचालन के लिए सूचना प्रौद्योगिकी विभाग नोडल एजेंसी होगी और संबंधित जिलों के उपायुक्त ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल करने के इच्छुक संबंधित विभाग को सहयोग देंगे। उन्होंने कहा कि उपायुक्त ड्रोन हब विकसित करने के लिए स्थानों को चिन्हित करेंगे और इससे विभागों के कामकाज में भी दक्षता आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति लाइनों के पर्यवेक्षण, कृषि, बागवानी, स्वास्थ्य, सड़क संबंधी निगरानी, पर्यटकों की आवाजाही की निगरानी, अवैध खनन और पेड़ों की अवैध कटाई जैसे क्षेत्रों की निगरानी में ड्रोन प्रौद्योगिकी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि यह तकनीक विशेषकर राज्य के बर्फीले क्षेत्रों में अधिक उपयोगी साबित होगी। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राजस्व, वन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, तकनीकी शिक्षा और शिक्षा विभाग के 68 अधिकारियों सहित 189 लोगों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का पहला ड्रोन फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल आईटीआई शाहपुर में संचालित किया जा है और ड्रोन तकनीशियन कोर्स सात राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों मंडी, सिरमौर, शिमला, कांगड़ा, सोलन (2 आईटीआई) और कुल्लू जिलों में शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री ने विभाग की विभिन्न नवाचार पहल की भी समीक्षा की और लोगों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर विभिन्न विभागों की सभी हेल्पलाइनों को मुख्यमंत्री सेवा संकल्प-1100 हेल्पलाइन के साथ एकीकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग को राज्य के डिजिटल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। राज्य सरकार लोगों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से विभिन्न सेवाओं में नवीनतम तकनीक शामिल करने को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, विधायक विनय कुमार, नीरज नैय्यर, अजय सोलंकी, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, सचिव सूचना प्रौद्योगिकी अभिषेक जैन, निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी मुकेश रेपसवाल और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
नामांकन वापिस के अंतिम दिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला नगर निगम के एक और प्रत्याशी को कांग्रेस के पक्ष में लाने में सफल रहे। वार्ड 34 कनलोग से निर्दलीय प्रत्याशी आशा सूद ने आज मुख्यमंत्री सिंह से भेंट की तथा कांग्रेस की नीतियों एवं कार्यक्रमों में आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में अपना नामांकन वापिस ले लिया। आशा सूद ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में लोगों के कल्याण के लिए अनेक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि इसलिए उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने का निर्णय लिया है।
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में आज यहां ज़िला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति तथा ज़िला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई। मनमोहन शर्मा ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत उपलब्ध करवाई जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का निरीक्षण समय-समय पर सुनिश्चित बनाएं ताकि लोगों को उचित गुणवत्ता की खाद्य सामग्री उपलब्ध होती रहे। इसके अतिरिक्त उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि समय-समय पर ज़िला की सभी दुकानों में वस्तुओं की मूल्य सूची प्रदर्शित करने के सम्बन्ध में निरीक्षण करें, ताकि उपभोक्ताओं को उचित दाम पर वस्तुएं उपलब्ध हो सकें। उपायुक्त ने कहा कि ज़िला में विभिन्न गैस एजैंसियों द्वारा वितरित की जा रही रसोई गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में अवगत करवाया गया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत मार्च, 2023 तक ज़िला में 2 लाख 36 हजार 568 पात्र उपभोक्ताओं का चयन किया गया है। इन्हें उपदान दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अन्त्योदय अन्न योजना के तहत बी.पी.एल परिवारों को 3 रुपये प्रति किलो की दर पर प्रति कार्ड 15 किलो चावल तथा 3.20 रुपये प्रति किलो की दर पर प्रति राशन कार्ड 18.800 किलो गेहूं का आटा उपलब्ध करवाया जा रहा है। उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत ज़िला सोलन के पात्र लाभार्थियों को जनवरी, 2023 से मार्च, 2023 तक 1785.18 मीट्रिक टन चावल तथा 2210.30 मीट्रिक टन आटा और ए.पी.एल के परिवारों को 1877.35 मीट्रिक टन चावल तथा 3488.77 मीट्रिक टन आटा उपलब्ध करवाया गया है। बैठक में 6 माह से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों, गर्भवती महिलाओं को समेकित बाल विकास परियोजना एवं मिड-डे मील योजना के अन्तर्गत निर्धारित पोषण मानदंडों के अनुरूप उचित आहार प्रदान करने के विषय में भी विचार-विमर्श किया गया। मनमोहन शर्मा ने कहा कि माह जनवरी, 2023 से माह मार्च, 2023 तक कुल 699 निरीक्षण किए गए। इनमें 07 मामलों में अनियमियताएं पाई गई है। उन्होंने कहा कि इन निरीक्षणों में अनियमितताएं पाए जाने पर प्रतिभूति राशि के रूप में 46 हजार रुपये तथा 05 दुकानदारों के पास प्रतिबंधित पाॅलीथीन पाए जाने पर 2500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
हिमाचल प्रदेश के चार दिवसीय प्रवास के उपरांत आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को मशोबरा स्थित कल्याणी हेलीपैड पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गरिमापूर्ण विदाई दी। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू और प्रशासनिक, पुलिस व सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश स्कूल डीपीई संघ के उपाध्यक्ष बलदेब ठाकुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सनोरा से सेवानिवृत्त होने के बाद से यह पद खाली हो गया था। अब उनके स्थान पर कपिल मोहन डीपीई वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रजाना को हिमाचल प्रदेश डीपीई संघ का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दिनेश शर्मा जिला सिरमौर डीपीई संघ अध्यक्ष, मधु पुंडीर इंचार्ज अंडर-19 संगड़ाह जोन, कुलदीप सिंह एसएमसी एसएमसी प्रधान जिला सिरमौर भाग सिंह, मीन सिंह डीपीई आदि ने कपिल मोहन को उपाध्यक्ष बनने पर बधाई दी है। इस नियुक्ति के लिए कपिल मोहन ने डीपीई संघ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष मोहन नागटा, जिला प्रधान दिनेश शर्मा तथा उनकी समस्त कार्यकारिणी का धन्यवाद किया है।
राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान शिमला की 'कोटशेरा एलुमनी एसोसिएशन' की आम सभा का आज आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा गर्ग द्वारा की गई। इस आम सभा में हिमाचल प्रदेश सोसायटी रजिस्ट्रेशन एक्ट, 2006 के प्रावधानों के अनुरूप एसोसिएशन की गवर्निंग बॉडी का गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से दिनेश ठाकुर को एसोसिएशन का अध्यक्ष, अनिल भारद्वाज को उपाध्यक्ष, डॉ. पीएल वर्मा को सचिव, पंकज शर्मा को सह-सचिव, विपिन कुमार को कोषाध्यक्ष तथा डॉ. प्रेम लाल, डॉ. नीरज शांडिल, चेतना शर्मा व दिनेश शर्मा को कार्यकारिणी सदस्य चयनित किया गया। प्राचार्य डॉ. अनुपमा गर्ग ने नई कार्यकारिणी को बधाई दी तथा आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व छात्र संगठन का महाविद्यालय के विकास में बहुआयामी योगदान रहता है। इस अवसर पर महाविद्यालय के सह-आचार्य डॉ. पंकज बसोटिया, डॉ. सुनीता शर्मा, डॉ. गोपाल संघाइक, डॉ. आरती चौहान, डॉ. अजीत ठाकुर इत्यादि भी मौजूद थे।
श्री रेणुका जी कांग्रेस कमेटी ने दो दिन पहले जिला सिरमौर कांग्रेस प्रचार प्रसार कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व कांग्रेस प्रदेश सचिव बृजराज ठाकुर, मनोज ठाकुर,विजय ठाकुर, और अरूण ठाकुर के निष्कासन का प्रस्ताव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अध्यक्षा प्रतिभा सिंह को भेजा था जिस पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति अध्यक्ष व पुर्व सांसद विप्लव ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में विभिन्न समाचार पत्रों पर छपी खबरों पर संज्ञान लेते कहा कि इन सभी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का निष्कासन रद्द किया जाता है। उन्होंने कहा कि श्री रेणुका जी कांग्रेस ने पार्टी के संविधान के अनुसार शिकायतों निष्कासन उचित प्रक्रिया नहीं अपनाई गई। उन्होंने स्पष्ट रुप से कहा कि ऐसी किसी भी पार्टी विरोधी गतिविधियों की शिकायत राज्य अनुशासन समिति के समक्ष पेश किया जाना चाहिए था उन्होंने श्री रेणुका जी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को यह भी सलाह दी कि आगे की कार्रवाई तथ्य के अनुसार शिकायत को अनुशासन समिति को भेजें हिमाचल प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनीश खिमटा ने कहा कि इन सभी 4 कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का निष्कासन रद्द किया जाता है।
मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की उपस्थिति में आज यहां प्रदेश सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद तथा शूलिनी विश्वविद्यालय के मध्य शिमला के समीप शोघी में साइंस, लर्निंग एंड क्रिएटिविटी सेंटर में स्टेट-ऑफ-द-आर्ट सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए एक समझौता हस्ताक्षरित किया गया। परिषद के सदस्य सचिव ललित जैन ने प्रदेश सरकार की ओर से तथा शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अतुल खोसला और रजिस्ट्रार प्रो. सुनील पुरी ने विश्वविद्यालय की ओर से समझौते पर हस्ताक्षर किए। ललित जैन ने बताया कि हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद द्वारा शोघी में साईंस, लर्निंग एंड क्रिएटिविटी सेंटर स्थापित किया गया है। इस केंद्र में विद्यार्थियों को किताबों में पढ़े गए विज्ञान के सिद्धांतों का व्यवहारिक तौर पर अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। यहां प्रस्तावित स्टेट ऑफ द आर्ट सुविधाओं से छात्रों में विज्ञान के प्रति और जिज्ञासा पैदा करने के साथ ही उनकी सृजनात्मक क्षमता को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में शूलिनी विश्वविद्यालय की सहभागिता से विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक ज्ञान को व्यवहारिक रूप में ढालने में मदद मिलेगी और उनकी सीखने की क्षमता में भी वृद्धि करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विज्ञान की शिक्षा को बढ़ावा देने में यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी। इस अवसर पर परिषद के संयुक्त सदस्य सचिव सतपाल धीमान, शूलिनी विश्वविद्यालय के डीन ऑफ अंडरग्रेजुएट स्टडीज़ डॉ. केसरी, प्रति-कुलाधिपति विशाल आनंद सहित हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास बोर्ड के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
जी-20 प्रतिनिधियों ने गुरुवार को धर्मशाला भ्रमण का आनंद लिया। उन्होंने इस दौरान धर्मशाला के प्राकृतिक नजारों का दीदार किया और यहां के नैसर्गिक सौंदर्य को खूब सराहा। उन्होंने जहां नरघोटा में चाय बागानों में चाय की पत्तियां चुनने का अनुभव लिया वहीं कांगडा कला संग्रहालय में लाईव कांगड़ा पेंटिंग में हाथ आजमाए। इस दौरान मेहमानों ने मान टी फैक्टरी में चाय की प्रोसेसिंग जानने के साथ ही चाय के विविध फ्लेवर्स का जायका भी लिया। उसके उपरांत उन्होंने कांगड़ा कला संग्रहालय का भ्रमण किया। कला संग्रहालय में हिमाचली कला-संस्कृति और शिल्प से रूबरू होने के साथ ही डेलीगेट्स ने लाईव कांगड़ा पेंटिंग पर अपना हाथ आजमाते हुए, इसका भी अनुभव लिया। वहीं इससे पहले गुरुवार सुबह जी-20 डेलीगेट्स के लिए होटल रेडिसन ब्लू में आयुष विभाग द्वारा योग सत्र का आयोजन किया गया। प्रातः साढ़े 6 बजे आरंभ करीब पौने घंटे के इस सत्र में डेलीगेट्स को आयुष प्रशिक्षकों द्वारा योगाभ्यास करवाया गया। योगाभ्यास करने के बाद प्रतिनिधियों ने धर्मशाला व आसपास के स्थानों में भ्रमण किया। इस दौरान डेलीगेट्स ने नरघोटा में चाय बागानों का दीदार किया। अपने अनुभव साझा करते हुए डेलीगेट्स ने धर्मशाला में अपने प्रवास को यादगार बताया तथा यहां शानदार आवभगत के लिए प्रदेश सरकार तथा प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धर्मशाला की प्राकृतिक सुंदरता, यहां धवल धौलाधार की दिव्यता ने एक अदभुत आध्यात्मिक एहसास कराया है। यहां के शांत-निर्मल वातावरण ने मन को सुकून और दिलोदिमाग को ताजगी से भर दिया। साथ ही कांगड़ा की, हिमाचल की, समृद्ध कला-संस्कृति को जानने, समझने का सुअवसर मिला, जिससे आंतरिक समृद्धि का अनुभव हुआ। यहां की स्मृतियां शानदार रहीं। उन्होंने प्रदेश सरकार की मेहमान नवाजी के लिए कृतज्ञता व्यक्त की।
प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र सौर ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी बनकर हरित ऊर्जा राज्य के लक्ष्य की प्राप्ति में उल्लेखनीय भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। चंबा जिले के पांगी उपमंडल में 400-400 किलोवाट की दो सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने की योजना से यह संभव हुआ है। नवीकरणीय ऊर्जा के लिए राज्य नोडल एजेंसी हिमऊर्जा को इन परियोजनाओं के लिए भूमि हस्तांतरित की गई है। हिमऊर्जा ने इन दो सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए पांगी घाटी के हिलौर और धारवास में एक-एक हैक्टेयर भूमि चिन्हित की है। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत की इन परियोजना के लिए एजेंसी ने विभिन्न औपचारिकताओं को पूर्ण करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने हिमऊर्जा को इन दोनों सौर ऊर्जा परियोजनाओं का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री का कहना है कि इसके अलावा पांगी में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए सौर ऊर्जा आधारित ‘बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम प्रोजेक्ट’ स्थापित करने के लिए वर्ष 2023-24 के बजट में प्रावधान किया गया है। यह परियोजना क्षेत्र के लोगों को खराब मौसम और भारी बर्फबारी के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। सर्दियों के दौरान भारी बर्फबारी के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने से पांगी के लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ‘बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम प्रोजेक्ट’ स्थानीय ग्रिड से विद्युत की सुचारू आपूर्ति कर इस समस्या का समाधान करेगा। उनका कहना है कि प्रदेश सरकार सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देते हुए कार्बन उत्सर्जन कम करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा 31 मार्च, 2026 तक हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए वर्ष 2023-24 में 500 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त, पायलट आधार पर प्रत्येक जिले में दो पंचायतों को हरित पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने आज ज़िला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सोलन (डाईट) के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों एवं अन्य को पुरस्कृत किया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले छात्रों में वर्ष 2019-21 के प्रारम्भिक शिक्षा डिप्लोमा में पूजा प्रथम, दिव्या शर्मा द्वितीय तथा शुभम मितल तृतीय, प्रारम्भिक शिक्षा डिप्लोमा के वर्ष 2020-22 में आंचल गुप्ता प्रथम, विभरण शर्मा द्वितीय तथा आरती गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे। पर्यावरण दिवस 2022 पर आयोजित प्रशनोत्तरी प्रतियोगिता में किरण एवं समीर प्रथम, मनोज एवं शिवानी द्वितीय तथा भूमिका एवं एकांश तृतीय स्थान पर रहे। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस-2023 पर आयोजित प्रशनोत्तरी प्रतियोगिता में ओरबिंदो हाउस की भूमिका, कार्तिकेय एवं दिपशिखा प्रथम, एपीजे कलाम हाउस के आंचल चौहान, करिशमा एवं प्रतिभा तथा विवेकानंद हाउस के आशीष, साहिल एवं अनुज द्वितीय तथा टैगोर हाउस के पारस कुमार, सूरज एवं समीर तृतीय स्थान पर रहे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में टैगोर हाउस के संजीव, नीतिका एवं कविता प्रथम, विवेकानंद हाउस के किरण, भावना एवं रोहित द्वितीय तथा एपीजे कलाम हाउस के रजत, सचिन एवं मनोज तृतीय स्थान पर रहे। पर्यावरण दिवस पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रिया पहले, अंजना दूसरे तथा सतीश तीसरे स्थान पर रहे। आज़ादी के 75 वर्ष के अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में विभरण शर्मा प्रथम, अंजना द्वितीय तथा ममता तृतीय स्थान पर रही। रंगोली प्रतियोगिता, 2022 में एपीजे कलाम हाउस के आरती गुप्ता, पूजा, अंकिता तथा कांता पहले, टैगोर हाउस के भानू, नीलम, अर्चना कश्यप तथा पुष्पा दूसरे तथा विवेकानंद हाउस के आंचल गुप्ता, कुसुम वर्मा, युक्ता एवं रंगीता तीसरे स्थान और ओरबिंदो हाउस की रूचि, रक्षा, वनिता तथा प्रीति तीसरे स्थान पर रही। 05 नवम्बर, 2022 को मतदाता जागरूकता अभियान पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में नीलम, शिवानी कंवर तथा मोनिका विजेता रही। प्रथम मार्च, 2023 को आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में टैगोर हाउस की किरण, सुमित्रा, मोनिका एवं मेहक प्रथम, विवेकानंद हाउस की अदिति, रूबिना, पूजा एवं ईशा द्वितीय, एपीजे कलाम हाउस की आंचल, मोनिका, नीलम एवं युक्ता तथा ओरबिंदो हाउस की भूमिका, मुस्कान, मुस्कान अत्री तृतीय स्थान पर रही। नारा लेखन प्रतियोगिता में विवेकानंद हाउस की मेहक चौहान पहले, एपीजे कलाम हाउस की आंचल चौहान दूसरे, ओरबिंदो हाउस की बनिता तथा टैगोर हाउस के सतीश कुमार तीसरे स्थान पर रहे। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विवेकानंद हाउस की आंचल गुप्ता प्रथम, एपीजे कलाम हाउस की पूजा ठाकुर द्वितीय तथा आरती गुप्ता तृतीय स्थान पर रही। प्रथम मार्च, 2023 को आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में एपीजे कलाम हाउस की नीलम कुमारी पहले, टैगोर हाउस की मेहक चौहान दूसरे तथा ओरबिंदो हाउस की मुस्कान अत्री तीसरे स्थान पर रही। 29 सितम्बर, 2022 को आयोजित खेल दिवस पर रूबिक क्यूब खेल में रजत कंवर प्रथम, भूमिका द्वितीय तथा दीपक तृतीय स्थान पर रहे। लिफ्ट द पार्टनर प्रतियोगिता में रितिक एवं मनोज प्रथम तथा आदित्य एवं विनय द्वितीय स्थान पर रहेे। मतदाता जागरूकता अभियान पर आयोजित नुक्कड़ नाटक में महिमा, प्रीति, एकांश, अशोक, अनुराग तथा विनय विजेता रहे। शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए राजकुमार को पुरस्कृत किया गया। सर्वश्रेष्ठ आलराउंडर श्रेणी में वर्ष 2019-21 के लिए शुभम मितल तथा वर्ष 2020-22 के लिए कपिल नेगी पुरस्कृत किया गया। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर हरियाणा के करनाल में राष्ट्रीय स्तरीय पैरा-ओलम्पिक तलवारबाजी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले जसबीर सिंह को भी सम्मानित किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास, जिसे पूर्व मेे ‘प्रेजीडेंशियल रिट्रीट’ कहा जाता था, आम जनता के लिए खोलने की आधिकारिक रूप से घोषणा की। आगामी 23 अप्रैल से आम लोग राष्ट्रपति निवास का भ्रमण कर सकेंगे। राष्ट्रपति द्वारा आज अपने आधिकारिक निवास पर ‘एट होम’ का भी आयोजन किया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल व लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल तथा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ‘एट होम’ में शामिल हुए। प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य संसदीय सचिव, विधायकगण, विभिन्न बोर्ड एवं निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, प्रतिष्ठित वरिष्ठ नागरिक, प्रदेश पुलिस व प्रशासन के अधिकारी, सेना के वरिष्ठ अधिकारी एवं शहर के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी ‘एट होम’ समारोह में उपस्थित रहे।
देवभूमि क्षत्रिय संगठन एवं सवर्ण मोर्चा की संयुक्त बैठक दाड़लाघाट में हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडलाध्यक्ष अर्की सवर्ण मोर्चा चमन शर्मा ने की। बैठक में आगामी 9 मई को सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर स्वर्ण महासम्मेलन के आयोजन को सफल बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। देवभूमि क्षत्रिय संगठन के प्रदेश सचिव जयदेव सिंह ठाकुर ने बताया कि नाहन चौगान में आयोजित होने वाले इस महासम्मेलन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की सभी राजपूत, ब्राह्मण व वैश्य सभाओं को आमंत्रित किया जा रहा है। देवभूमि क्षत्रिय संगठन द्वारा महासम्मेलन में बाहरी राज्यों से भी सवर्ण समाज के नेताओं को आमंत्रित किया जा रहा है। बैठक में मौजूद सदस्यों ने महासम्मेलन को लेकर अपने सुझाव रखे। इस अवसर पर मदन ठाकुर, कृष्ण चंद्र भट्टी, पालु, पप्पू, चमन शर्मा, भूपेंद्र सेन, हंसराज, दिनेश, जयदेव सिंह ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
शिमला नगर निगम के इंजन घर वार्ड से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और कांगनाधार से आजाद उम्मीदवार नीलम वर्मा कांग्रेस में शामिल हो गए। वीरवार को दोनों उम्मीदवारों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खु से मुलाकात करने के उपरांत पार्टी ज्वाइन की। शुक्रवार को ये अपना-अपना नामांकन वापस ले लेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने दोनों उम्मीदवारों का पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें कांग्रेस पार्टी की नीतियां जन-जन तक पहुंचाने को कहा। सुखविंदर सिंह ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को आम जन तक पहुंचाने के साथ नगर निगम चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने को कहा। सुधीर कुमार ने कहा कि जिस तरह से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 3 माह के कार्यकाल में महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, उनको देखते हुए उन्होंने कांग्रेस का दाम थामा है। वहीं कंगनाधार से नीलम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलने के बाद उन्होंने कांग्रेस पार्टी के पक्ष में अपना नामांकन वापिस लेने का निर्णय लिया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शिमला नगर निगम चुनाव के मद्देनजर तीन प्रवक्ताओं को नियुक्त किया है। नियुक्त किए गए प्रवक्ताओं में वरिष्ठ राज्य प्रवक्ता एसएस जोगटा, जीएस तोमर और संजीता चौहान शामिल हैं। विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने के मद्देनजर HPPC ने तीनों पार्टी प्रवक्ताओं को नई जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष एवं सांसद रानी प्रतिभा सिंह के अनुमोदन पर सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला जी ने नया दायित्व सौंपा है।प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने अधिसूचना जारी कर तीनों प्रवक्ताओं को अपना दायित्व निभाने के आदेश दिए है। शिमला नगर निगम चुनाव से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए वरिष्ठ प्रवक्ता एसएस जोगटा को 9418203330, संजीता चौहान को 8219672928 और जीएस तोमर को 9805288090 नंबर पर कॉल कर सकते हैं।
नगर निगम शिमला के वार्ड नंबर 27 कुसुम्पटी से भाजपा प्रत्याशी रचना झीना शर्मा ने नामांकन पत्र भरने के बाद अपने चुनाव प्रचार को तेज कर दिया है। वीरवार को रचना झीना शर्मा ने वार्ड में समर्थकों संग डोर टू डोर जाकर मतदाताओं से संपर्क साधा। इस दौरान रचना झीना शर्मा ने कहा कि वार्ड की समस्याओं को जहां हल किया जाएगा, वहीं मेरी प्राथमिकता रहेगी कि पानी, परिवहन के साथ-साथ जन सुविधाओं का इजाफा किया जाए। उन्होंने वार्ड की बेसिक समस्याओं को हल करना प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सुविधाएं मिले, सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, नगर निगम की सुविधाएं वार्ड तक पहुंचे, ऐसा उनका प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास के लिए जी जान एक करूंगी, जनता के साथ मिलकर हर संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुसुम्पटी वार्ड को सुंदर बनाने के साथ-साथ जागरूकता अभियान के साथ वार्ड में से सामाजिक कुरीतियों को कैसे दूर किया जा सकता है? नशे जैसी समस्या को कैसे हम काबू पा सकते हैं ? इस पर वार्ड के मतदाताओं निवासियों को साथ लेकर के घर-घर अभियान चलाने का काम किया जाएगा रचना झीना शर्मा ने कहा की वार्ड की स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हो, इसके लिए स्वास्थ्य कैंपों का आयोजन, डिस्पेंसरी का बेहतर होना ,चिकित्सा सुविधाएं अच्छी मिले इस सब के लिए प्राथमिकता पर काम करना मेरी पहल होगी। रचना ने कहा कि मतदाताओं से वार्ड की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली जा रही। वार्ड के प्रमुख कार्यकर्ता व गणमान्य व्यक्ति भी चुनाव प्रचार के दौरान साथ उपस्थित रह रहे है। रचना झीना शर्मा ने कहा कि कुसुम्पटी से मैं भलीभांति परिचित हूं ,इसी वार्ड में बचपन से लेकर अब तक तो सक्रिय रूप से काम कर रही हूं। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इस वार्ड में जो समस्याएं हैं उनके हल के लिए और तेजी के साथ प्रयास हो इसके लिए जरूरी कदम व आवाज उठाना जरूरी है । रचना ने कहा कि शिमला नगर निगम स्मार्ट सिटी है और स्मार्ट सिटी का स्मार्ट वार्ड का कुसुम्पटी बनाया जाए यह मेरा लक्ष्य रहेगा।
ठियोग विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ने वाले नारकंडा के जदून पंचायत में बीते रोज हुई ओलावृष्टि से सेब के पौधों को काफी नुकसान हुआ है। सेब के पौधों पर इन दिनों फ्लावरिंग पूरी तरह हो चुकी है, लेकिन भारी ओलावृष्टि से फूल झड़ गए हैं। सेब की टहनियां भी ओलावृष्टि से प्रभावित हुई हैं। ठियोग से विधायक व कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने राज्य सरकार से बागवानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। प्रेस को जारी बयान में विधायक कुलदीप राठौर ने कहा कि सेब की फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार उचित मुआवजा दे। उन्होंने कहा कि बागवानी विभाग की एक टीम को ऊपरी शिमला में निरीक्षण के लिए भेजा जाए। कहां पर कितना नुकसान हुआ है उसका आकलन करें व पूरी रिपोर्ट तैयार करें। उन्होंने कहा कि सेब ऊपरी शिमला के लोगों की आर्थिकी व जीवन यापन का मुख्य जरिया है। साल भर की फसल सेब ही है। बागवान दिन रात इसमें मेहनत करते हैं, लेकिन मौसम की मार के चलते अकसर उन्हें नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर तो सेब के पौधे भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि विभाग को निर्देश देकर तुरंत एक टीम जायजा लेने के लिए वहां पर भेजी जाए।
मां भंगायणी मेला समिति हरिपुरधार ने शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाक़ात की। इस दौरान उन्हें मां भंगायणी मेले के समापन समारोह में शिरकत करने के लिए आमंत्रित किया गया, जिसे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्वीकार कर लिया है। सीएम कार्यालय से डीसी सिरमौर को भी इस बारे में सूचित कर दिया गया है। मेले का समापन 5 मई को होगा। मेला समिति का प्रतिनिधिमंडल रेणुका के विधायक विनय कुमार के नेतृत्व में सीएम से मिला, जिसमें मेला समिति के सदस्य व कांग्रेस नेता दलीप चौहान, महल जोन अध्यक्ष अनिल शर्मा, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव ओपी ठाकुर, मंदिर समिति के सचिव व महल जोन महासचिव अनिल ठाकुर, रेणुका यूथ के महासचिव दिनेश ठाकुर, उपाध्यक्ष व ग्राम पंचायत गेहल के उप प्रधान विनय ठाकुर, रामलाल ठाकुर, कपिल छिंटा शामिल रहे।
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार पर बल दे रही है, ताकि छात्रों की सीखने की क्षमता को और सुधारा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस वर्ष शिक्षा तथा तकनीकी शिक्षा पर 9189 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। संजय अवस्थी आज ज़िला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सोलन (डाईट) के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को मुख्यातिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। अवस्थी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक और परिमाणमूलक सुधार के लिए सभी स्तरों पर अध्यापकों का पूर्ण रूप से प्रशिक्षित एवं दक्ष होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में ज़िला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बनाएगी कि डाईट जैसे संस्थान प्रशिक्षण प्रदान करने एवं उचित अधोसंरचना की दिशा में सुदृढ़ बनें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भविष्य को आकार प्रदान करने में प्राथमिक स्तर के अध्यापक सबसे महत्वपूर्ण हैं। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा ही शिक्षित समाज का आधार है। राज्य सरकार प्राथमिक स्तर से लेकर उच्च स्तर तक की शिक्षा को गुणावत्तायुक्त एवं सुरूचिपूर्ण बनाने के लिए योजनाबद्ध कार्य करेगी। इस दिशा में प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में खुलने वाले राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे बोर्डिंग विद्यालय मील का पत्थर सिद्ध होंगे। इन विद्यालयों की स्थापना पर चरणबद्ध आधार पर 300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी आर्दश विद्यालय समाज के गरीब वर्गों के छात्रों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने में सशक्त भूमिक निभाएंगे। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर कहा कि डाईट सोलन में कंप्यूटर प्रयोगशाला की स्थापना की जाएगी। इसके लिए प्राक्कलन के अनुसार प्रदेश सरकार 30 लाख रुपये उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने संस्थान में उचित पेयजल व्यवस्था के लिए बोरवेल के लिए 4.50 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने डाईट सोलन में मां सरस्वती की प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिमला के अपने चार दिवसीय प्रवास के दौरान आज भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान का दौरा किया। इस अवसर पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल भी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति ने संस्थान में पिक्चर गैलरी, पुस्तकालय, तत्कालीन संरक्षित कार्यालयों और मुख्य भवन के प्रांगण का अवलोकन किया। इस अवसर पर संस्थान की अध्यक्ष प्रो. शशि प्रभा कुमार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय नई दिल्ली के कुलपति एवं संस्थान के निदेशक प्रो. नागेश्वर राव, उपाध्यक्ष प्रो. शैलेंद्र राज मेहता और सचिव सुब्रत कुमार प्रधान ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। इस अवसर पर मिनिस्टर इन वेटिंग, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
भाजपा चुनाव प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश से विधायक श्रीकांत शर्मा का भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर पहुंचने पर सुखराम चौधरी, त्रिलोक जम्वाल, संजय सूद, रवि मेहता, गणेश दत्त, रूपा शर्मा, चेतन ब्रागटा, डेजी ठाकुर, प्यार सिंह कंवर, शिशु भाई धर्मा, कर्ण नंदा, सुशील राठौर ने उनका स्वागत किया। इसके उपरांत एक बैठक का आयोजन किया गया जिसमें उन्होंने नगर निगम चुनावों के लेकर फीडबैक ली। बैठक में सुखराम चौधरी, पवन राणा, त्रिलोक जम्वाल, संजय सूद, गणेश दत्त, रूपा शर्मा, शिशु भाई धर्मा, चेतन ब्रागटा और रवि मेहता उपस्थित रहे। सुखराम चौधरी ने कहा भाजपा नगर निगम शिमला का चुनाव गंभीरता ने चुनाव लड़ रही है, चुनावों में पार्टी द्वारा हर वार्ड के लिए अलग-अलग योजना तैयार की गई है और भाजपा द्वारा प्रचार जोरों-शोरों से हर वर्ड में चल पड़ा है। कहा कि इन चुनावों में सबसे बड़ा मुद्दा विकास का है और भाजपा विकास के मुद्दे को लेकर ही चुनाव लड़ रही है, शिमला शहर को स्मार्ट सिटी से बड़ा लाभ हुआ है और यह योजना भाजपा की प्रदेश और केंद्र सरकार की लाई गई थी। इन नगर निगम चुनावों में लोग कांग्रेस की सरकार को जवाब देने को तैयार है उन्होंने कहा कि शिमला शहर की पानी की समस्या को सॉल्व करने के लिए भाजपा की सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से काम किया और इसके लिए 35 करोड की योजना भाजपा द्वारा लाई गई थी। शिमला शहर में भाजपा की सरकार के दौरान ढली संजौली में दूसरी टनल का निर्माण भी हुआ, कई पैदल चलने के रास्तों का भी निर्माण किया गया। अगर देखा जाए तो पिछले 4 महीने में शिमला शहर में कांग्रेस पार्टी द्वारा कोई काम नहीं किया गया, केवल झूठी गरंटियो का गुण गान किया गया उन्होंने कहा की भाजपा डैमेज कंट्रोल को लेकर पूर्ण रूप से काम कर रही है और बहुत से लोग अपने नॉमिनेशन वापस भी लेंगे। आने वाले समय में चुनाव प्रचार के लिए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मंत्री अनुराग ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप मैदान में प्रचार करेंगे।
उपमंडल जयसिंहपुर में बने सिविल अस्पताल में लगभग दो महीनों से एक्स-रे नहीं हो रहे हैं। अस्पताल की एक्स-रे मशीन खराब पड़ी हुई है। इस कारण अस्पताल में आने वाले मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और बाहर प्राइवेट लैब में जाना पड़ रहा है। इस विषय में सिविल अस्पताल के डॉ. राहुल से बात की तो उन्होंने बताया कि इस बारे में विभाग और विधानसभा विधायक को अवगत कराया गया है। उन्होंने बताया कि अप्रैल महीने के अंत तक नई आधुनिक उपकरण वाली एक्स-रे मशीन आ सकती है। जिसे जल्दी ही जयसिंहपुर अस्पताल में लगा दिया जाएगा, ताकि मरीजों को सुविधा मिल सके।
भाजपा चुनाव प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश से विधायक श्रीकांत शर्मा का भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर पहुंचने पर सुखराम चौधरी, त्रिलोक जम्वाल, संजय सूद, रवि मेहता, गणेश दत्त, रूपा शर्मा, चेतन ब्रागटा, डेजी ठाकुर, प्यार सिंह कंवर, शिशु भाई धर्मा, कर्ण नंदा, सुशील राठौर ने उनका स्वागत किया। इसके उपरांत एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने नगर निगम चुनावों के लेकर फीडबैक ली। बैठक में सुखराम चौधरी, पवन राणा, त्रिलोक जम्वाल, संजय सूद, गणेश दत्त, रूपा शर्मा, शिशु भाई धर्मा, चेतन ब्रागटा और रवि मेहता उपस्थित रहे।
सांसद प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में 24 अप्रैल प्रातः 11 बजे जिला किन्नौर के रिकांगपिओ स्थित परियोजना अधिकारी आईटीडीपी भवन के सम्मेलन कक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी कमेटी (दिशा) की बैठक आयोजित की जाएगी। यह जानकारी उपायुक्त किन्नौर एवं सदस्य सचिव जिला विकास समन्वय एवं निगरानी कमेटी (दिशा) तोरूल एस रवीश ने दी। उन्होंने बताया कि किन्नौर जिला के विकास कार्यों में तेजी लाने तथा विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति के दृष्टिगत दिशा बैठक का आयोजन लोकसभा सदस्य की अध्यक्षता में किया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निदेश दिए कि वह 24 अप्रैल को परियोजना अधिकारी आईटीडीपी भवन के सम्मेलन कक्ष में निर्धारित समय पर पहुंचना सुनिश्चित बनाएं। साथ ही अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यान्वित किए जा रहे विभिन्न विकासात्मक नीतियों, योजनाओं व कार्यक्रमों की अद्यतन रिपोर्ट भी साथ लाना सुनिश्चित बनाएं।
हिमाचल सरकार का जी20 सम्मेलन के माध्यम से हिमाचली उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग का प्रयास सफल होता नजर आ रहा है। प्रदेश सरकार की ओर से आयोजन स्थल पर लगाई गई हिमाचली उत्पादों की प्रदर्शनी में विदेशी मेहमानों ने खूब रूचि ली। डेलीगेट्स और उनके साथ परिजनों ने प्रदर्शनी व बिक्री काउंटरों पर न सिर्फ इन उत्पादों के बारे में जानकारी ली, बल्कि जमकर खरीदारी भी की। बता दें, आयोजन स्थल पर हथकरघा-हस्तकला से जुड़े उत्पाद रखे गए थे। इसके अलावा आईएचबीटी पालमपुर और कृषि विश्वविद्यालय द्वारा साइंस-प्रौद्योगिकी के नवाचार से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई थी। डीआरडीए कांगड़ा की ओर से लगाए गए स्टॉल में मिशन धनवंतरि के अंतर्गत तैयार हर्बल उत्पाद रखे गए थे। उनमें प्रमुखता से तुलसी और कैमोमाइल आधारित प्रोडक्ट्स थे। वहीं इसी स्टॉल में स्थानीय एनजीओ द्वारा तैयार गिलोय उत्पाद और कुल्लवी हस्तकला के ऊनी वस्त्र रखे गए थे। डीआरडीए द्वारा लगाए अपना कांगड़ा स्टॉल में आचार, चटनी और पहाड़ी चुख को भी बिक्री के लिए रखा गया था। वहीं हैंडीक्राफ्ट और हैंडलूम के स्टॉल में हिमाचली हस्तशिल्प और हथकरघा को प्रदर्शित करते उत्पादों ने डेलिगेट्स का ध्यान आकर्षित किया। यहां पर चंबा थाल, चंबा रूमाल, चम्बा चप्पल के साथ साथ विभिन्न हिमाचली परिधानों को जी20 डेलीगेट्स ने बेहद पसंद किया। विदेशी मेहमानों ने हिमाचली हस्तशिल्प और परंपरागत हस्तकला से सुसज्जित इन परिधानों को पहन कर तस्वीरें भी लीं। वहीं स्टॉल में प्रदर्शित कांगड़ा पेंटिंग्स देख कर डेलीगेट्स ने हिमाचली कला की भूरि भूरि प्रशंसा की। आयोजन स्थल पर टी बोर्ड ऑफ इंडिया द्वारा भी अपना स्टॉल स्थापित किया गया है। यहां पर कांगड़ा टी के साथ-साथ विभिन्न जायकों की चाय बिक्री के लिए रखी गई है, जिन्हें विदेशी महमान खूब पसंद कर रहे हैं। हर्बल उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए सीएसआईआर द्वारा यहां स्टॉल स्थापित किया गया है। इसके साथ ही कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर ने ‘श्री अन्न’ (मोटे अनाज) का स्टॉल होटल रेडिसन ब्लू में लगाया है। इसके अलावा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा अभिनव तरीकों से तैयार किए गए विभिन्न पौष्टिक पशु आहार को भी वहां प्रदर्शित किया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित 26वें दीक्षांत समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। दीक्षांत समारोह को संबोधित भी किया और गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की। दीक्षांत समारोह में 99 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई, जिनमें 59 छात्राएं एवं 40 छात्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 111 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए, जिनमें 34 छात्र एवं 77 छात्राएं शामिल हैं। इससे पहले, राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सभी उपाधिधारकों और स्वर्ण पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति में इस दीक्षांत समारोह का आयोजन हम सबके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इस शिक्षण संस्थान में ज्ञान अर्जित करना विद्यार्थी जीवन का एक महत्वपूर्ण अवसर है और अब औपचारिक शिक्षा ग्रहण करने के उपरांत वे इस ज्ञान को व्यावहारिक रूप से अपनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह खुशी की बात है कि राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) द्वारा इस विश्वविद्यालय को पुनः ए-ग्रेड प्रदान किया गया है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय देश का एक अग्रणी संस्थान है और समस्त भारत सहित देश-विदेश से भी विद्यार्थी यहां उच्चतर शिक्षा और अनुसंधान कार्य के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का गौरवमयी इतिहास है और यहां से शिक्षा अर्जित करने के उपरांत विद्यार्थी राष्ट्र और विश्व स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि टिकाऊ एवं मज़बूत अर्थव्यवस्था के साथ आज भारत विश्व के समृद्ध राष्ट्रों में शुमार होने की दिशा में अग्रसर हैं। संपूर्ण विश्व भारत को एक उभरती हुई वैश्विक शक्ति के रूप में देख रहा है। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस बुराई के विरुद्ध विद्यार्थियों और युवाओं को साथ लेकर व्यापक अभियान शुरू करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि आज भारत दुनिया के अग्रणी 20 देशों के समूह (जी-20) की अध्यक्षता कर रहा है। ‘एक धरती-एक परिवार-एक भविष्य’ की अवधारणा एक दिन में स्थापित नहीं की जा सकती है। यह हमारी सोच एवं स्वभाव में प्रतिबिंबित होती है। उन्होंने कहा कि हमारी इन परंपराओं एवं संस्कृति को विस्तार देने में हमारे विश्वविद्यालय ऐसे विचारों के संवाहक बनें।
एनर्जी ट्रांजिशन के लिए ईको-इनोवेशन पर जी20 रिसर्च इनोवेशन एंड इनिशिएटिव गैदरिंग (आरआईआईजी) सम्मेलन 19 अप्रैल को धर्मशाला में संपन्न हुआ। सम्मेलन में कुल 29 विदेशी प्रतिनिधियों और 30 भारतीय विशेषज्ञों और भारत सरकार के विभिन्न वैज्ञानिक विभागों/संगठनों से आमंत्रित लोगों ने भाग लिया। इसकी अध्यक्षता डॉ. श्रीवारी चंद्रशेखर, सचिव डीएसटी और अध्यक्ष-आरआईआईजी ने की। रिसर्च इनोवेशन इनिशिएटिव गैदरिंग (आरआईआईजी) जी20 फोरम की एक नई पहल है, जिसे 2022 में इंडोनेशियाई प्रेसीडेंसी के दौरान शुरू किया गया था। सम्मेलन में भाग लेने वाले जी20 देश इंडोनेशिया, तुर्की, संयुक्त राज्य अमेरिका, रूस, सऊदी अरब, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, यूनाइटेड किंगडम, नीदरलैंड, फ्रांस, नीदरलैंड, कोरिया गणराज्य, रूस, यूनाइटेड किंगडम, स्पेन, यूरोपीय संघ और अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) के प्रतिनिधि शामिल रहे। सम्मेलन में सतत एनर्जी ट्रांजिशन के लिए जी20 देशों की सर्वोत्तम प्रथाओं और नीति मॉडल को साझा करने पर विचार-विमर्श किया गया। डीएसटी के सचिव और जी20-आरआईआईजी के अध्यक्ष डॉ. श्रीवारी चंद्रशेखर ने अपनी प्रारंभिक टिप्पणी में कहा, "हम अपने अस्तित्व में एक महत्वपूर्ण क्षण में हैं, जहां हमें जीवाश्म ईंधन खपत से दूर परिवर्तन को प्राथमिकता देनी चाहिए। अक्षय ऊर्जा के दोहन की क्षमता हमारी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त है, लेकिन इसे बड़े पैमाने पर कैप्चर करने, परिवर्तित करने और संग्रहीत करने के लिए एक विशाल प्रयास की आवश्यकता है, जिसे एक साथ काम करके पूरा किया जा सकता है।” अगली आरआईआईजी बैठक दीव में एक स्थायी नीली-अर्थव्यवस्था के लिए वैज्ञानिक चुनौतियों और अवसरों के विषय पर आयोजित की जाएगी। आरआईआईजी बैठकें 5 जुलाई को मुंबई में आरआईआईजी शिखर सम्मेलन और अनुसंधान मंत्रियों की बैठक के साथ समाप्त होंगी और जी20 सदस्यों द्वारा एक संयुक्त घोषणा को अपनाया जाएगा।


















































