कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने से आक्रोशित कांग्रेस पार्टी द्वारा पूरे देश में भारत संकल्प सत्याग्रह किया जा रहा है। इसी के चलते जिला कांगड़ा में भारत संकल्प सत्यग्रह 20 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सचिव एवं मीडिया कॉर्डिनेटर पुनीत मल्ली ने कहा कि 20 अप्रैल को जिला उपायुक्त कार्यालय के बाहर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रातः 11 बजे जिला उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री चैधरी चंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला कांगड़ा के सभी विधायक, जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी, जिला के ब्लॉक अध्यक्ष और कांग्रेस कार्यकर्ता भारत संकल्प सत्यग्रह कार्यक्रम में अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार लोकतंत्र का गला घोंटने में लगी हुई। कांग्रेस के सीनियर नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता को रद्द किए जाने से साफ जाहिर है कि भाजपा अपने खिलाफ उठने वाली हर सच्ची आवाज को दबा देना चाहती है। मल्ली ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा को पूरे देश में जोरदार समर्थन मिला है। राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई भाजपा की केंद्र सरकार ने उनकी लोकसभा सदस्यता रद करवा दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अन्याय को कभी भी सहन नहीं करेगी और केंद्र की जनविरोधी नीतियों को आम जन तक पहुंचाया जाएगा, ताकि लोगों को पता चल सके कि झूठे सब्जबाग दिखाकर सत्ता हासिल करने वाली भाजपा का असली मकसद पूंजीपतियों को संरक्षण देना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा हर वर्ग का साथ दिया है और भविष्य में सबकी भलाई के लिए काम किया जाएगा।
धमेटा में एयरटेल के मोबाइल टावर को अचानक आग लग गई, जिस कारण करीब 20 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। अग्निशमन विभाग की तरफ से प्रशामक राजीव सिंह, भूपेंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि धमेटा निवासी विक्रांत पठानिया पुत्र राजेंद्र सिंह के फोन के माध्यम से सूचना दी कि उनके घर के समीप लगे एयरटेल के टावर में आग लगी हुई है, जिस पर अग्निशमन टीम में गृह रक्षक अमरीक सिंह चालक अजय कुमार तुरंत अग्निशमन वाहन लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। टीम ने आग की चपेट में आने से एक मकान, पशुशाला व साथ लगते खेतों में लगी गेहूं की फसल को बचा लिया है। इसके अलावा टावर के कुछ उपकरणों को भी जलने से बचा लिया है।
देहरा उपमंडल के तहत सकरी पंचायत की कृषि सहकारी सभा समिति के सचिव का पद पिछले आठ महीनों से खाली पड़ा था। लेकिन अब अनिल राणा ने सचिव का कार्यभार संभाल लिया है। इसी के साथ स्थानीय जनता के साथ लेनदेन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, जिससे आम जनता ने भी राहत की सांस ली है। इस कृषि सहकारी सभा के पूर्व सचिव रमेश चंद राणा की सितंबर 2022 में मृत्यु हो गई थी। उन्होंने इस सभा को 16 वर्ष तक अपनी सेवाएं दी थीं। तभी से यह पद खाली पड़ा था। विभाग व प्रबंधन कमेटी के सदस्यों ने इस पद को भरने के लिए आवेदन मांगे थे। 14 अभ्यार्थियों ने आवेदन किया था, लेकिन 3 के आवेदन पत्र किसी कारण रद्द हो गए थे। शेष 11 अभ्यार्थियों के साक्षात्कार हुए, जिसमें मेरिट के हिसाब से अनिल राणा को सबसे ज्यादा अंक प्राप्त हुए। अब उन्हें विभाग की ओर से नए सचिव के रूप में नियुक्ति पत्र दिया गया है। उनकी नियुक्ति से स्थानीय जनता ने राहत की सांस ली है।
स्मार्ट सिटी धर्मशाला के तहत चल रही परियोजनाओं को तय समय मे पूरा करने के लिए सभी विभाग बेहतर आपसी तालमेल से काम करें। उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला में आज बुधवार को धर्मशाला स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने यह शब्द कहे। इस अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल सहित स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़े विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने अधिकारियों से धर्मशाला स्मार्ट सिटी से जुड़ी सभी परियोजनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा लिया। उन्होंने प्रत्येक कार्य की प्रगति, कार्यान्वयन में पेश आ रही दिक्कतें और समाधान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से स्मार्ट सिटी परियोजना के महत्व को समझते हुए उन्हें गंभीरता और तय समयावधि पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत जो कार्य अभी चल रहे हैं, उनकी प्रगति की निरंतर समीक्षा की जाए और इनकी गति बढ़ाने पर बल दिया जाए। उन्होंने कहा कि जो भी परियोजनाएं तय समय में होने योग्य हैं, पहले उन पर जोर दिया जाए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को कहा कि पूर्ण योजना और बेहतर समन्वय से इन सभी कार्यों को यदि किया जाएगा तभी सार्थक परिणाम देखने को मिलेंगे।
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी 20 अप्रैल को सोलन के प्रवास पर आ रहे हैं। संजय अवस्थी 20 अप्रैल को प्रातः 10.30 बजे ज़िला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सोलन के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
शूलिनी यूनिवर्सिटी ने जाने-माने भारतीय फिल्म और थिएटर अभिनेता और निर्देशक रजित कपूर के साथ एक विशेष सत्र का आयोजन किया, जिसमें थिएटर-आधारित तकनीकों को शिक्षण में शामिल करने और छात्र जुड़ाव में सुधार के महत्व पर चर्चा की गई। रजित कपूर, जो समीक्षकों द्वारा प्रशंसित 1996 की फिल्म "द मेकिंग ऑफ द महात्मा" में महात्मा गांधी के अपने चित्रण के लिए प्रसिद्ध हैं, ने इंटरैक्टिव सत्र के दौरान विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों के साथ अपनी अंतर्दृष्टि और अनुभव साझा किए। अपनी बातचीत के दौरान कपूर ने शिक्षकों को रचनात्मक रूप से अपने छात्रों के साथ जुड़ने और कक्षा में शारीरिक और मानसिक रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षण में वॉयस मॉड्यूलेशन के महत्व पर भी चर्चा की, यह देखते हुए कि शिक्षक की आवाज के स्वर और लय का छात्र के जुड़ाव और सीखने पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ सकता है। कपूर ने शिक्षकों को अपने छात्रों के लिए सुलभ और भरोसेमंद होने की आवश्यकता पर बल दिया। शूलिनी यूनिवर्सिटी में इनोवेशन एंड लर्निंग के निदेशक आशीष खोसला की टिप्पणियों के साथ सत्र का समापन हुआ, जिन्होंने फैकल्टी सदस्यों के साथ अपनी बहुमूल्य अंतर्दृष्टि और अनुभव साझा करने के लिए कपूर का आभार व्यक्त किया। आशीष खोसला ने कहा कहा कि हम रजित कपूर की मेजबानी करने और थिएटर और फिल्म में उनके विशाल अनुभव से सीखने का अवसर पाकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
प्रदेश के सभी क्षेत्रों के तीव्र विकास एवं कार्यक्षमता में सुधार के दृष्टिगत राज्य सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व में ड्रोन प्रौद्योगिकी को प्रोत्साहित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। पिछले कुछ वर्षों से ड्रोन विभिन्न व्यावसायिक एवं सरकारी संगठनों की गतिविधियों में निगरानी व अन्य कार्यों के लिए एक प्रभावी उपकरण बन चुका है। रक्षा से लेकर कृषि एवं उद्योग इत्यादि विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन प्रौद्योगिकी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस तकनीक से जरूरत के समय वस्तुओं की त्वरित आपूर्ति सुनिश्चित हुई है, वहीं सैन्य गतिविधियों में दूरस्थ अथवा मानव की पहुंच से दूर स्थलों की पहचान एवं निगरानी इत्यादि में भी यह सहायक है। इससे दुर्गम क्षेत्रों में समयबद्ध एवं कुशलतापूर्वक विभिन्न कार्य संपन्न करना भी संभव हुआ है। यह तकनीक भवन व अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े इंजीनियरों के लिए सटीक गणना एवं डिजाइन इत्यादि में भी उपयोगी सिद्ध हो सकती है। सरकारी निर्माण एजेंसियों को भी कम अवधि में अपने कार्यों की विभिन्न कोणों से निरीक्षण एवं सर्वेक्षण की सुविधा इससे प्राप्त हो सकेगी। बहुमंजिला भवनों के प्रभावी एवं सुविधाजनक निरीक्षण एवं पुनः निरीक्षण में भी उनके लिए ड्रोन उपयोगी हैं। इसके उपयोग से इंजीनियर सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के दौरान और अधिक दक्षता एवं सुगमता के साथ कार्य कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त यह तकनीक विद्युत लाइनों, जलापूर्ति पाइप और गैस पाइप लाइनों, पुलों के ढांचों इत्यादि के सुरक्षा से संबंधित विभिन्न निरीक्षणों में भी उपयोगी है। यूएवी (अज्ञात वायु वाहन), लघु पायलट रहित एयरक्राफ्ट अथवा उड़ते हुए मिनी रोबोट जैसे विभिन्न नामों से ड्रोन तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। हालांकि यह तकनीक अभी अपने शुरुआती दौर में है। फिर भी इसने कई बाधाओं से पार पाते हुए उद्योग क्षेत्र में ऐसे प्रौद्योगिकी नवाचारों को राह दिखाई है जो किसी समय असंभव प्रतीत होते थे। प्रदेश में ड्रोन नीति बनाई जा चुकी है परंतु इसे पूरी तरह से अपनाने एवं व्यवहारिक तौर पर उपयोग में लाने की दिशा में बहुत कुछ किया जाना शेष है। मुख्यमंत्री का मानना है कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत ड्रोन सबसे दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचने की क्षमता रखते हैं और इसके लिए न्यूनतम ऊर्जा, श्रम, समय और मानव संपदा की आवश्यकता होगी। कृषि क्षेत्र में ड्रोन तकनीक का उपयोग करते हुए किसानों के समय एवं श्रम की बचत करते हुए अपेक्षित परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। यह नई तकनीक खनन, कानून प्रवर्तन, कृषि, बागवानी, अपराध नियंत्रण, लॉजिस्टिक्स, बचाव कार्यों, निगरानी, वनों एवं वन्य जीवों के संरक्षण इत्यादि विभिन्न क्षेत्रों में पेशेवरों के कार्यों को सुगम बना सकती है।
सोलन ज़िला के अटल शिक्षा कुंज स्थित प्रसिद्ध आईईसी यूनिवर्सिटी में बच्चों को नशे के दुष्प्रभाव बताने और यातायात नियमों के बारे में जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस सेवाओं में लंबा अनुभव रखने वाले एसएचओ बरोटीवाला श्याम लाल ने कार्यक्रम में शिरकत कर बच्चों को नशे से दूर रहने के लिए जरूरी संदेश दिया। यातायात नियमों की पालना के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी, ताकि सड़क पर सफर सुरक्षित हो सके। एसएचओ श्याम लाल ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से शरीर और मन पर पड़ने वाले बुरे असर के बारे में विस्तार में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिंदगी की मुश्किलों से तंग आकर जिस नशे को हम सहारा मान लेते हैं, वही हमारे अस्तित्व को मिटा देता है। उन्होंने दुश्मन देश की ओर से हमारी युवा पीढ़ी का बर्बाद करने के लिए नशाखोरी को एक अंतरराष्ट्रीय साजिश बताया। उन्होंने कहा कि यातायात के नियम वाहन चालकों और सवारियों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। ऐसे में यातायात नियमों के पालन को बोझ नहीं, बल्कि जिम्मेदारी समझें। इससे पहले कार्यक्रम में बच्चों ने लघु नाटक, गीत-संगीत और नृत्यों के माध्यम से नशे से दूर रहने की सीख दी। वहीं, पिछले कल विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ फार्मेसी की ओर से बच्चों को तनाव से मुक्त रखने के लिए हेप्पीनेस जोन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत नंबर गेम, स्टे ऑन स्टेज, गेस्स द ओब्जेक्ट सहित खुशी को बढ़ाने वाली अन्य खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फार्मेसी सहित अन्य विभागों के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके अलावा अवसर कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय आ रहे करीब 150 विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में भाग लिया।
उपमंडल जयसिंहपुर के अंतर्गत पड़ती ग्राम पंचायत मंझेड़ा के गांव लुगट निवासी अक्षय कुमार ने यूको बैंक की परिक्षा पास कर ली है। उसकी माता का नाम मीरा देवी एवं पिता का सरवण कुमार है। अक्षय कुमार यूको बैंक में मैनेजर के पद पर नियुक्त हुआ है। ग्रामीण परिवेश में पले अक्षय ने अपनी प्रारम्भिक शिक्षा सरकारी प्राइमरी स्कूल लुगट एवं हिम साईं ज्योति पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल तिनबड़ से पूरी की। उसके बाद पंजाब में रायात भारा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री हासिल की। 23 वर्षीय अक्षय ने बताया कि वह यूको बैंक में सिलेक्शन के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक की क्लर्क एवं पीओ की परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुके हैं, लेकिन उन्होंने यूको बैंक को चुना है।
उपायुक्त के साथ 20 अप्रैल को होने वाली जिला पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन सोलन की संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक किन्हीं अपरिहार्य कारणों के चलते स्थगित कर दी गई है। यह जानकारी संगठन के जिलााध्यक्ष केडी शर्मा, महासचिव जगदीश पंवर व जिला मीडिया प्रभारी डीडी कश्यप ने प्रेस को जारी संयुक्त बयान में दी है। मीडिया प्रभारी डीडी कश्यप ने कहा कि जैसे ही जिला प्रशासन की तरफ से बैठक को फिर से आयोजित करने की तिथि जारी की जाती है तो उसके बारे में संगठन पदाधिकारियों व सदस्यों को अवगत करवा दिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को आज निजात मिल गई है। शिमला सहित प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने से लोग गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की तरफ से बारिश और ओलावृष्टि की संभावना पहले ही जता दी गई थी। ताजा बारिश से राजधानी शिमला का मौसम काफी सुहावना हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 21 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी सकती है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई थी। ऊना में बीते कल 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।
उपायुक्त आरके गौतम ने बताया कि सिरमौर जिला में 20 अप्रैल से 4 जून तक पशुओं में बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में पशुओं को मुंह और खुर की बीमारियों के टीके लगाए जाएंगे। उन्होंने जिला के सभी पशुपालकों से आग्रह किया कि सभी पशुपालक, संबंधित क्षेत्र में कार्यरत पशुपालन संस्थान में जाकर अपने पशुओं का निशुल्क टीकाकरण करवाएं। उन्होंने बताया कि पशुओं के टीकाकरण के लिए सिरमौर जिला में वर्तमान में 1.15 लाख खुराक (डोज) उपलब्ध हैं। उपायुक्त बुधवार को नाहन में पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। आरके गौतम ने शहर में निराश्रित पशुओं की समस्या से निपटने के लिए पशुपालन विभाग नगर परिषद तथा पुलिस विभाग को सांझा रूप से जरूरी कदम उठाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि टैग लगे हुए पशु यदि निराश्रित घुमते हुए शहर में पाये जाते हैं तो उनका चालान किया जाये। इसी प्रकार बिना टैग वाले निराश्रित पशुओं को अगले कुछ दिनों के भीतर काऊ सेंचुरी कोटला बड़ोग में शिफ्ट किया जाए। उन्होंने बताया कि जिला में वर्तमान में टैग लगे हुए पशुओं की संख्या करीब 2.50 लाख है। टैग के यूनिक नंबर को पोर्टल पर डालते ही पशु और उसके मालिक का संपूर्ण डाटा एक क्लिक पर देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि टैग लगे हुए पशु यदि निराश्रित घुमते हुए पाये जाते हैं इसकी सूचना पशुपालन विभाग अथवा सम्बन्धित एसडीएम एवं पंचायत को दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि पशु पालकों की आर्थिक दशा को सुदृढ़ करने तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय कृत्रिम बीजारोपण कार्यक्रम के माध्यम से गौ-वंश में कृत्रिम बीजारोपण का टीकारण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कृत्रिम बीजारोपण टीकाकरण से गौ-वंश में बछिया पैदा होती है और इस टीकाकरण की सफलता दर 80 से 90 प्रतिशत है। यह टीका अनुदान दरों पर केवल 125 रुपये में विभाग के पास उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि पशु पालकों को इस योजना का लाभ उठाना चाहिए और समय पर अपने गौवंश में कृत्रिम बीजारोपण का टीकाकरण करवाना चाहिए। उपायुक्त ने जिला की 259 पंचायतों में पशुओं की टैगिंग और राष्ट्रीय कृत्रिम बीजारोपण कार्यक्रम (एनएआईपी) की जानकारी के लिए सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर एसडीएम नाहन रजनेश कुमार, परियोजना अधिकारी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण अभिषेक मित्तल, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद संजय तोमर, पुलिस उप अधीक्षक मीनाक्षी शाह, अधिशासी अभियंता जलशक्ति आशीष राणा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण किन्नौर के सचिव ने आज यहां जानकारी दी कि जिला किन्नौर में राष्ट्रीय लोक अदालत 13 मई को आयोजित की जानी निश्चित की गई है। राष्ट्रीय लोक अदालत के समक्ष निम्न प्रकार के मामले प्रस्तुत किए जा सकते हैं, जिनमें धारा 138 के तहत एनआई अधिनियम से संबंधित मामले, मनी-रिकवरी, श्रम विवाद, बिजली व पानी, भरण-पोषण व अन्य (आपराधिक, कम्पाउन्डेंबल व दीवानी विवाद) से संबंधित मामले शामिल हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इसके अतिरिक्त न्यायलयों में लंबित मामले जिनमें क्रिमिनल कम्पाउन्डेंबल ऑफेन्स, धारा 138 के तहत एन.आई अधिनियम से संबंधित मामले, मनी-रिकवरी, वाहन दुर्घटना, श्रम विवाद, विद्युत व पानी के बिल, वैवाहिक विवाद (तलाक को छोड़कर), भू-अधिग्रहण, सेवाओं से संबंधित तनख्वा व भत्ते, सेवानिवृति से संबंधित मामले, राजस्व मामले (केवल जिला व उच्च न्यायलय में लंबित) व अन्य दीवानी मामले (किराया, सुखभोग अधिकार (गुजारा भत्ता), हिदायत संबंधी, विशिष्ट प्रदर्शन सूट) शामिल हैं। सचिव ने बताया कि अपने-अपने न्यायिक क्षेत्र के तहत जो कोई व्यक्ति भी उक्त मामलों का राष्ट्रीय लोक अदालत में समाधान करना चाहते हैं तो वह न्यायिक न्यायालय परिसर रामपुर बुशहर, न्यायिक न्यायालय परिसर रिकांग पिओ जिला किन्नौर, न्यायिक न्यायालय परिसर आनी जिला कुल्लू, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण रिकांग पिओ जिला किन्नौर के कार्यालय में अपने मामले की सुनवाई के लिए संपर्क कर सकते हैं।
केंद्रीय विद्यालय नलेटी के भारत स्काउट एंड गाइड इकाई की ओर से सामाजिक जागरुकता कार्यक्रम के तहत नंगल बीहन के श्रीमचकुंड महादेव मंदिर में स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया। बच्चों ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर श्रमदान किया। श्रीमंचकुंड मंदिर समिति द्वारा स्काउट्स व गाइड्स के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। इस कैंप के निर्देशन व अनुरक्षण के लिए स्काउट मास्टर अनूप सिंह, अशोक कुमार तथा विपन कुमार बच्चों के साथ रहे। विद्यालय प्रशासन की ओर से स्काउट्स की सुरक्षा को देखते हुए लाने व ले जाने के लिए बस की व्यवस्था की गई थी। उधर, विद्यालय प्राचार्य स्वाति अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय के स्काउट्स एंड गाइड्स द्वारा शुरू की यह पहल समाज में एक नई सोच विकसित करने में सफल होगी। बच्चों ने अपना श्रमदान देकर मंदिर परिसर को स्वच्छ बनाया। भविष्य में भी इस तरह की विभिन्न गतिविधियां में आयोजित की जाएंगी।
पुलिस चौकी डाडासीबा के तहत गांव सवाणा में पुलिस ने एक राहगीर से 8 बोतल देसी शराब बरामद की है। आरोपी की पहचान पवन कुमार निवासी सवाणा के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि डीएसपी देहरा विशाल वर्मा ने की है।
पुलिस थाना ज्वालामुखी के अंतर्गत बीती रात राजेश कुमार पुत्र बिशंभर दास निवासी रजोल, डाकघर गुम्मर, तहसील देहरा की दुकान से तलाशी के दौरान मौके पर कुल 5 बोतल देसी शराब मार्का संतरा बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने की है।
उपमंडल इंदौरा में बुधवार सुबह हुई बेमौसम तेज बारिश ने किसानों की 6 महीने की कड़ी मेहनत से उगाई गेहूं की फसल पर पानी फेर दिया है | इंदौरा क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे तेज बारिश और आंधी चल रही थी, जिस कारण इलाके में बिजली भी गुल हो गई। सुबह 8:00 बजे के करीब बारिश बंद हुई। किसानों का कहना है कि उनकी साल भर की मेहनत पर पानी फिर गया है। किसानों की गेहूं की फसल तेज बारिश के कारण खराब होने की कगार पर है। पहले भी बेमौसम बारिश के कारण फसल को नुकसान हुआ था। किसानों ने कहा कि जब बारिश की जरूरत थी तब बारिश नहीं हुई, अब हो रही बेमौसम बारिश के कारण बची हुई फसल भी खराब हो चुकी है। किसानों ने सरकार से गुहार लगाई है कि खराब फसल के लिए किसानों को उचित मुआवजे का प्रावधान किया जाए।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के करीबी व गत विधानसभा चुनाव में प्रचार-प्रसार कमेटी के अध्यक्ष रहे बृजराज ठाकुर उर्फ छोटा भाई को श्री रेणुका जी कांग्रेस कमेटी द्वारा 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने का प्रस्ताव पारित किया गया है। मंगलवार को विश्राम गृह परिसर संगड़ाह में हुई बैठक में श्री रेणुका जी कांग्रेस मंडल अध्यक्ष तपेंद्र चौहान की अध्यक्षता में पारित किए गए प्रस्ताव से संबंधित प्रेस नोट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रस्ताव में प्रधान परिषद संगड़ाह के अध्यक्ष रह चुके बृजराज के अलावा कांग्रेस विधायक नाहन अजय सोलंकी के रिश्तेदार अरूण ठाकुर तथा दो और लोगों को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निष्कासित करने का आग्रह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से किया गया है। हालांकि इस बैठक में मीडिया को नहीं बुलाया गया था। पार्टी की तरफ से युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष अजय भारद्वाज ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि यह फैसला श्री रेणुका जी कांग्रेस कमेटी का है।
किन्नौर, लाहुल-स्पीति, कुल्लू और आस-पास के ट्राइबल क्षेत्र के लोग हिमाचली टोपी पर सफ़ेद फूल लगाते है। क्या आप जानते है यह कौन सा फूल है? दरअसल ये फूल जैसा दिखने वाला एक बीज है। हालांकि इस का पौधा उन क्षेत्रों में नहीं मिलता है जहाँ ये फूल स्थानीय लोगों की पोशाक का एक अनिवार्य हिस्सा हैं। इस पेड़ का नाम है ओरोक्सिलम सिग्नम जिसे अरलू या टाट पटनगा भी कहा जाता है। यह बीज बड़ी तलवार के आकार की फली में मौजूद होते हैं। इसका प्रयोग ट्राइबल क्षेत्र के हिंदू और बौद्ध धर्म से जुड़े लोग भी करते है। सफेद फूल के बिना किन्नौरी टोपी की शान अधूरी मानी जाती है। इसे किन्नौर में ख्वार और सिरमौर में टाट पटनगा के नाम से जाना जाता है। देश-विदेश में पहचान पाने वाली किन्नौरी टोपी पर सफेद फूल किन्नौर में न होकर जिला सिरमौर के मैदानी क्षेत्रों में पाए जाते हैं। इस फूल को किन्नौर में ख्वार और चाम्खा, सोलन में टाट मरंगा जबकि सिरमौर में टाट पटनगा के नाम से जाना जाता है। अरलू एक छोटा से मध्यम आकार का पर्णपाती पेड़ है जो 12 मीटर की ऊंचाई तक बढ़ता है। हैरानी की बात है कि यह समशीतोष्ण क्षेत्र का पौधा नहीं है। यह लगभग सभी उपोष्णकटिबंधीय भारत में 1,200 मीटर की ऊंचाई तक बढ़ता है। इसमें बड़े यौगिक पत्ते होते हैं, जो कभी-कभी एक मीटर लंबा भी हो सकता है। पेड़ बड़े बैंगनी फूल धारण करता है। फली बड़ी, 60-90 सेमी लंबी और तलवार के आकार की होती है। ये फली के अंदर पंखों की तरह होते है। इसे निकालने के लिए चाकू से खोल दिया जाता है। इसके बाद इसे पिरोने के लिए पेटल्स को बीच में रखकर गेहूं के तनों से घुमाकर गुथ की तरह बनाया जाता है, जिसे स्थानीय भाषा में "तेकेमा" कहा जाता है। इसके बाद इसमें पसंद अनुसार बखरी कान को सम्मिलित किया जाता है जिसे वैज्ञानिक रूप से "चोरिज़िया स्पीसीओसा" के नाम से जाना जाता है। बखरी कान कपास की गेंदों का प्रतिबिंब देती हैं। इन्हें गेंद के रूप में टैग करके बनाया जाता है और विभिन्न रंगों में रंगा जाता है। इस सफेद फूल और बकरी कान से बने फूल के बिना हिमाचली टोपी की शान अधूरी मानी जाती है।
धर्मशाला बस अड्डे पर 20 अप्रैल को होने वाले इलेक्ट्रिक बसों के शुभारंभ कार्यक्रम के चलते बस अड्डा सामान्य संचालन के लिए बंद रहेगा। इस दौरान बस अड्डे की गतिविधियां ट्रक यूनियन स्थल से संचालित होंगी। यह जानकारी एचआरटीसी धर्मशाला के क्षेत्रीय प्रबंधन राजन जम्वाल ने दी। उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से 20 अप्रैल दोपहर तक 12 बजे तक बस अड्डे की गतिविधियां ट्रक यूनियन स्थल से संचालित होंगी। बता दें, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 20 अप्रैल को धर्मशाला बस अड्डे से इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे।
शिमला नगर निगम चुनावों में हॉट सीट माने जाने वाली संजौली चोक से भाजपा ने फिर से पूर्व महापौर सत्या कौंडल को चुनावी मैदान में उतारा है। मंगलवार को ढोल नगाड़ों ओर दल बल के साथ सत्या कौंडल नामांकन भरने उपायुक्त कार्यालय पहुंची। इस दौरान पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर चेतन बरागटा सहित कई नेता उनके साथ मौजूद रहे। नामांकन भरने के बाद सत्या कौंडल ने फिर से जीत की हुंकार भरी। उन्होंने कहा कि पूर्व नगर निगम में शिमला शहर में विकास कार्य हुए हैं और स्मार्ट सिटी के तहत शिमला शहर का नक्शा बदला है। शहर में पार्किंग ओवरब्रिज लिफ्ट सहित कई कार्य किए गए हैं और संजौली रोड में भी विकास कार्य किए गए हैं। ऐसे में उन्हें पूरा विश्वास है कि संजौली की जनता फिर से उन्हें गीता कर भेजेगी और फिर से शहर में भाजपा का नगर निगम पर कब्जा होगा इसी दौरान पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि शिमला में नगर निगम चुनाव होने जा रहे हैं और भाजपा को पूरा विश्वास है कि शिमला की जनता फिर से भाजपा का साथ देगी और शिमला नगर निगम में भाजपा का कब्जा होगा। वहीं उन्होंने कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि 4 महीने में ही सुख की सरकार से लोगों का मोहभंग हो गया है और इन चुनावों में शिमला के लोग भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान कर दोबारा से इतिहास रचेंगे।
पुलिस ने दाड़ी ग्राउंड के पास प्रशोतम चंद गांव बड़ोल तहसील धर्मशाला की दुकान से 5,250 मिलीलीटर देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने धर्मशाला थाने में हिमाचल प्रदेश आवकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को ‘डिजिटल नवाचारों में प्रगतिशील राज्य’ का द्वितीय सराहना पुरस्कार प्राप्त करने पर शुभकामनाएं दी हैं। कम्प्यूटर सोसायटी ऑफ इंडिया विशेष रूचि समूह द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी तथा ई-गर्वेनेंस को बढ़ावा देने के लिए हिमाचल प्रदेश को हाल ही में यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने सराहनीय कार्य करने के लिए आईटी विभाग की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के ‘डिजिटल इंडिया’ के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता व दक्षता लाने के लिए सरकार ने कई ऑनलाइन कार्यक्रम शुरू किए हैं। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सचिवालय, निदेशालयों और उपायुक्त कार्यालयों में ई-ऑफिस का उपयोग शीघ्र ही सुनिश्चित किया जाएगा ताकि सरकारी कार्यों में और दक्षता लाई जा सके। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए ‘मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन’ को और सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के डाटा बेस को एकीकृत करने के लिए एक ‘एकीकृत डाटा बेस प्रबंधन प्रणाली’ तैयार की जाएगी, जिसके माध्यम से कृषि, पशुपालन, श्रम और रोजगार इत्यादि विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं के प्रत्यक्ष लाभ हस्तातंरण के दृष्टिगत डीबीटी मैपिंग की जाएगी। एक ही स्थान पर परिवारों का उचित डाटा रखने के लिए ‘हिम परिवार’ नाम से एक रजिस्ट्री बनाई जाएगी। इसमें सार्वजनिक वितरण प्रणाली, ई-कल्याण और अन्य पोर्टल के डाटा के माध्यम से परिवार के सदस्यों से संबंधित जानकारी को एकीकृत किया जाएगा। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव डॉ. अभिषेक जैन ने बताया कि विभाग द्वारा सरकारी सेवाओं में सुधार, ई-गवर्नेंस और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर के सुदृढ़ीकरण के लिए अनेक पहल की जा रही है। यह पुरस्कार सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा सुशासन और ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में विभिन्न जी-टू-सी (सरकार से नागरिक) और जी-टू-बी (सरकार से व्यवसाय) सेवाएं प्रदान करने के सफल प्रयासों को मान्यता और उनकी सराहना के लिए दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा गरुड़ (गवर्नेंस एंड रिफॉर्मज़ यूजिंग ड्रोन्स) जैसी पहल को सफलतापूर्वक कार्यान्वित किया जा रहा है। हिमाचल ऑनलाइन सेवा, मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100, ई-ऑफिस, डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ हस्तातंरण), हिमस्वान (हिमाचल प्रदेश स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क), एचपीएसडीसी (हिमाचल प्रदेश स्टेट डाटा सेंटर), ई-कैबिनेट, एलएमएस (लिटिगेशन मॉनिटरिंग सिस्टम), आरएमएस (राजस्व प्रबंधन प्रणाली) जैसी आईटी पहलों को सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
शिमला नगर निगम चुनावों में कई दिग्गज नेता भी चुनावी मैदान में उतरे है। शिमला शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व में दो बार पार्षद रहे जितेंद्र चौधरी ने भी चुनावी ताल ठोकी है और भराड़ी वार्ड से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। मंगलवार को जितेंद्र चौधरी ने अपने समर्थकों के साथ उपायुक्त कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और अपनी जीत का दावा किया। नामांकन के बाद जितेंद्र चौधरी ने कहा कि वह पूर्व में दो बार पार्षद रह चुके हैं और अभी उनकी धर्मपत्नी भराड़ी वार्ड से ही पार्षद थी। वहीं उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा और कहा कि पूर्व में प्रदेश में भाजपा की सरकार थी और शिमला नगर निगम भी भाजपा की थी और शहर में केवल स्मार्ट सिटी के नाम पर डंगे और लोहे का ढांचा खड़ा किया गया है। स्मार्ट सिटी के पैसे की बर्बादी की गई है प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और नगर निगम में कांग्रेस के काबिज होने के बाद शिमला शहर का एक समान विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 100 मेगावाट ऊहल-3 जलविद्युत परियोजना को मई, 2024 तक क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आज यहां ऊर्जा विभाग की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस विद्युत परियोजना के क्षतिग्रस्त पेनस्टॉक को 8 माह के भीतर बदलने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की स्थापना में पहले ही देरी हो चुकी है और अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में परियोजना कार्य पूरा करने के लिए अथक प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार परियोजना को पूरा करने के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी तथा वह स्वयं इस वर्ष 15 जून, 2023 को परियोजना स्थल का भ्रमण कर इसकी प्रगति की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट घोषणा के अनुसार प्रदेश सरकार राज्य के सम्भावित उद्यमियों को 100 किलोवाट से 2 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने के लिए 40 प्रतिशत वित्तीय सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बैंकों से इन परियोजनाओं को वित्त पोषित करने के लिए सहायता भी प्रदान करेगी। उन्होंने इस योजना की रूपरेखा शीघ्र तैयार करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक युवा इसका लाभ ले सकें। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में प्रस्तावित छः ग्रीन कॉरिडोर की स्थापना से सम्बंधित कार्योे की प्रगति की समीक्षा भी की तथा इस वर्ष अक्तूबर तक सभी ग्रीन कॉरिडोर के लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लगभग 1600 किलोमीटर लम्बे इन कॉरिडोर के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जायेंगे, जिनमें इन कॉरिडोर के दायरे में आने वाले शहर भी शामिल होंगे। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार ने मार्च, 2026 तक हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री ने लाहौल-स्पीति जिले में सौर ऊर्जा परियोजनाओं की स्थापना के लिए भूमि चिन्हित करने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, बहुउद्देश्शीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा सचिव राजीव शर्मा, निदेशक ऊर्जा हरिकेश मीणा, हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन के सौजन्य से आज ग्राम पंचायत सलोगड़ा में राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज़िला कार्यक्रम अधिकारी सोलन डाॅ. सविता अग्रवाल ने की। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि इस कार्यक्रम को मनाने का उद्देश्य गर्भावस्था, प्रसव, पोस्ट डिलीवरी तथा गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था का पता चलते ही गर्भवती महिलाओं को अपना पंजीकरण सरकारी अस्पताल में करवाना चाहिए और आवश्यक टीके लगवाने चाहिए ताकि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ रहें। बीसीसी समन्वयक राधा चौहान ने कहा कि जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए सरकारी अस्पतालों में प्रसव व अतिरिक्त टैस्ट निःशुल्क है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9 तारीख को गर्भवती महिलाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिविल अस्पताल व ज़िला अस्पताल में डाॅक्टर द्वारा निःशुल्क चेकअप किया जाता है। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया जिसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सलोगड़ा की प्रधान, आशा वर्कर सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
मुख्य संसदीय सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लोक निर्माण तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से युवाओं को बाज़ार की मांग के अनुरूप विश्व स्तरीय पाठ्यक्रम एवं प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए योजनाबद्ध प्रयास कर रही है। संजय अवस्थी आज सोलन ज़िला के अर्की विधानसभा क्षेत्र के अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन दाड़लाघाट स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान महिला खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारम्भ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस 14वीं ज़िला स्तरीय औद्योगिक प्रशिक्षण महिला खेलकूद प्रतियोगिता का दीप प्रज्जवलित कर विधिवत शुभारंभ किया। संजय अवस्थी ने कहा कि सोलन ज़िला के चिन्हित औद्योगिक संस्थानों में कौशल विकास निगम के माध्यम से ड्रोन सर्विस टेकनिश्यिन पाठ्यक्रम चरणबद्ध तरीके से आरम्भ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज़िला के चिन्हित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में इलैक्ट्रिक व्हीकलस मकैनिक, मेनटेंनेस मकैनिक, सौलर टेकनिश्यिन, ड्रोन टेकनिश्यिन,मैकाट्रोनिक्स तथा इंटरनेट ऑफ़ थिंग्ज टेकनिश्यिन के पाठ्यक्रम भी आरम्भ किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों से युवाओं को बेहतर रोज़गार एवं स्वरोज़गार के अवसर प्रदान होंगे। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं और महिलाओं को सम्बल प्रदान करने के लिए विभिन्न योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने युवाओं एवं महिलाओं से प्रदेश सरकार द्वारा कौशल विकास के लिए कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कौशल विकास वर्तमान समय की मांग है तथा प्रदेश सरकार द्वारा कौशल विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने अंबुजा प्रबंधन से स्थानीय बेरोज़गार शिक्षित युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोज़गार प्रदान करने का आग्रह भी किया। संजय अवस्थी ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए मनुष्य का सक्रिय रहना आवश्यक है। खेलकूद के माध्यम से शारीरिक विकास ही नहीं बल्कि मानसिक विकास भी होता है। इसीलिए सभी को खेलों को अपने जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों के विकास में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों में आरक्षण को 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 5 प्रतिशत करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दाड़लाघाट महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए 14.58 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर दी गई है तथा शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर भवन निर्माण का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 14.50 करोड़ रुपये व्यय कर दाड़लाघाट में पशु चिकित्सा प्रशिक्षण केंद्र खोला जाएगा। शिव नगर-कोटला पशु औषधालय सड़क मार्ग के लिए 1.75 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत किए गए हैं। शीघ्र ही इस सड़क का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।मुख्य संसदीय सचिव ने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनीं तथा अधिकारियों को इनके समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतियोगिता आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की।
सहायक अभियंता रमेश चंद, विद्युत उपमंडल-2 धर्मशाला ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 अप्रैल को विद्युत लाइनों की सामान्य मरम्मत के कारण 11 केवी मंदल फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों मंदल, मसरेड़, भड़वाल, त्रैंबलू, हरनेड़, घियाना खुर्द, ढगवार, खटेहड़, मनेड़, अप्पर बगली, कोहाला, मटौर तथा साथ लगते क्षेत्रों में प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे अथवा कार्यसमाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि मौसम खराब होने की स्थिति में यह कार्य अगले दिन किया जाएगा।
पंचायती राज संस्थाओं में रिक्त पदों को भरने के लिए होने वाले उप निर्वाचन के लिए 2 मई को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यह जानकारी एक सरकारी प्रवक्ता ने दी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रदेश सरकार द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अधिसूचना के अनुसार इस दिन उप निर्वाचन वाले स्थानों में सभी सरकारी कार्यालय, बोर्ड, निगम, शिक्षण संस्थान और औद्योगिक संस्थान तथा दुकानें बंद रहेंगी। नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 की धारा 25 के प्रावधान के अनुसार इस दिन दिहाड़ीदारों के लिए भी सवैतनिक अवकाश होगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन वाले स्थानों में मतदान का अधिकार रखने वाले ऐसे कर्मचारियों को विशेष आकस्मिक अवकाश प्रदान किया जा सकता है जो राज्य के अन्य स्थानों पर कार्यरत हों। इस विशेष आकस्मिक अवकाश के लिए कर्मचारियों को संबंधित पीठासीन अधिकारी से मतदान करने के संबंध में प्रमाण पत्र लाना होगा।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सोलन ज़िला में पंचायती राज संस्थाओं के उप निर्वाचन 2023 के लिए सभी विकास खंडों में निर्वाचन वाले क्षेत्रों में मतदान केंद्रों की सूचना जारी कर दी है। ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) द्वारा जारी सूची के अनुसार विकास खंड कुनिहार की ग्राम पंचायत धुन्धन के वार्ड 6, टुईरू के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला टुईरू, ग्राम पंचायत कोटली के वार्ड 1, घुमारी के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला कोटली, ग्राम पंचायत बखालग के वार्ड 2, खाली के लिए राजकीय माध्यमिक पाठशाला चंदपुर, ग्राम पंचायत डुमैहर के वार्ड 4, डुमैहर (विक्रमपुर-2) के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डुमैहर तथा ग्राम पंचायत समोग के वार्ड 2, प्लाटा के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला नेरी प्लाटा को मतदान केंद्र घोषित किया गया है। ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने विकास खंड धर्मपुर की ग्राम पंचायत कसौली के वार्ड 5, कसौली-3 (कसोल वेली) के लिए राजकीय माध्यमिक पाठशाला कसौली गांव को मतदान केंद्र घोषित किया है। ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) द्वारा जारी सूची के अनुसार विकास खंड कंडाघाट की ग्राम पंचायत मही के वार्ड 1, घलाई के लिए ग्राम पंचायत कार्यालय मही को मतदान केंद्र घोषित किया है। विकास खंड सोलन की ग्राम पंचायत काबाकलां के वार्ड 1, घुमारड़ा तथा वार्ड 2, बोहड़ों के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला घुमारड़ा, वार्ड 3, काबा धारगुड़ा तथा वार्ड 4, काबा कलां के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला गटोगड़ा और वार्ड 5, हल्दा के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला जंगीरियां को मतदान केंद्र घोषित किया है।
विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल की जिला स्तरीय बैठक प्रांत अध्यक्ष लेखराज राणा व प्रांत सह मंत्री रमेश परमार की अध्यक्षता व प्रांत सह समरसता प्रमुख व सेवानिवृत अधिशाषी अभियंता अजय शर्मा की विशेष उपस्थिति में हुई। इसमें कलोहा निवासी आचार्य बनीस शर्मा को विश्व हिंदू परिषद जिला देहरा के सत्संग प्रमुख का दायित्व सौंपा गया है। इस अवसर पर प्रांत अध्यक्ष लेखराज राणा ने संगठन के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ हिंदू समाज अपनी सनातनी संस्कृति को छोड़कर पाश्चात्य संस्कृति को अपनाकर अपने आप को गौरवांवित महसूस कर रहा है, जो कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। हमारे पूर्वजों ने सनातन धर्म को बचाने के लिए कई बलिदान दिए हैं। अत: हम सब सनातनियों का धार्मिक कर्तव्य बनता है कि वे अपने सनातन धर्म की रक्षा और पूर्वजों की इस धरोहर को संजोकर रखें। बैठक में जिला देहरा संगठन मंत्री त्रिलोक चंद शर्मा, पवन बजरंगी विभाग सत्संग प्रमुख विभाग कांगड़ा, प्रशांत शर्मा, धर्म प्रचार प्रमुख विनोद डोगरा, मदन लाल शर्मा देहरा प्रखंड अध्यक्ष, बनीश शर्मा जिला सत्संग प्रमुख, वरिष्ठ स्वयंसेवक सुशील शर्मा, कुलदीप सिंह, हेमराज चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।
विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा के जन्मदिवस पर मंगलवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सवेरे ही उनके निवास स्थान पर बधाइयां देने वालों का तांता लग रहा है। सुबह ही समर्थक उनके निवास स्थान पर पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। गांधी चौक हमीरपुर पर विधायक के जन्मदिवस के मौके पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें 52 यूनिट रक्त इकट्ठा किया गया। विधायक ने स्वयं भी रक्तदान किया। वहीं गांधी चौक पर केक काटकर व लोगों में बांटकर जन्मदिवस मनाया गया। विधायक के समर्थकों की ओर से गांधी चौक पर लड्डू व जलेबी बांटी गई व धाम का आयोजन भी किया गया। इसके साथ ही अन्य जगहों पर समर्थकों ने जलेबियों के भंडारे लगाए व लड्डू बांटे। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में मरीजों को फल भी बांटे गए। वहीं विधायक ने भी अपने शुभचिंतकों, समर्थकों व देवतुल्य जनता का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जो प्यार उन्हें हमीरपुर की जनता ने दिया है उसके लिए वह ताउम्र उनके ऋणी हैं। इस मौके पर विधायक की धर्मपत्नी स्वाती शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
केंद्रीय विद्यालय नलेटी की कक्षा दसवीं की छात्रा यशिका का इसरो के युविका कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। चयनित छात्रा को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ रिमोट सेंसिंग (IIRS) देहरादून में ग्रीष्मावकाश के दौरान दो सप्ताह के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें प्रख्यात वैज्ञानिकों से वार्तालाप करने का अवसर मिलेगा तथा प्रबुद्ध वैज्ञानिक अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही वैज्ञानिक प्रयोगों का प्रदर्शन, प्रयोगशालाओं का भ्रमण, विशेषज्ञों के साथ चर्चा करने तथा प्रैक्टिकल सत्र में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा। स्कूल प्राचार्य स्वाति अग्रवाल ने कहा कि यह हमारे विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि हमारे बच्चों में उत्साह और प्रेरणा शक्ति के रूप में कार्य करेगी। बच्चों को इस तरह के अवसर मिलने से बच्चों की बौद्धिक, वैज्ञानिक चेतना को पनपने का उचित वातावरण मिलता है और विषय को अलग तरीके से सोचने में सक्षम होते हैं।
थाना नूरपुर के अंतर्गत पड़ते राजा का तालाब में पुलिस ने देह व्यापार के आरोप में होटल के मालिक व उसके दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए थाना नूरपुर के प्रभारी सुरेंद्र धीमान ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर आज राजा रिसोर्ट राजा का तालाब में रेड की गई। जानकारी मिली थी कि वहां पर देह व्यापार किया जाता है। पुलिस टीम द्वारा आज देह व्यापार करते हुए 2 महिलाओं और पुरुष को रंगे हाथ पकड़ा गया है, जिस पर होटल के मालिक, मैनेजर व एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
धर्मशाला में होने जा रहे जी20 शिखर सम्मेलन के लिए 20 देशों के मेहमान आज पहुंच जाएंगे। इस सम्मेलन से हिमाचल को दुनिया भर में ब्रांडिंग करने का एक बेहतर अवसर मिला है। यह सम्मेलन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के संकल्प को और आगे बढ़ाने में मददगार होगा। लिहाजा, प्रदेश की सुक्खू सरकार इसे हर तरह से यादगार बनाने में जुटी है। बता दें, 19-20 अप्रैल को होने वाले इस सम्मेलन में विज्ञान और प्रौद्योगिकी पर चर्चा के लिए विभिन्न देशों के 70 प्रतिनिधि धर्मशाला आएंगे। हिमाचल में उनके प्रवास को यादगार बनाने के लिए तमाम प्रबंध किए गए हैं। सरकार ने जिला प्रशासन को यह तय बनाने को कहा है कि जी20 समूह के प्रतिनिधियों के लिए यहां सभी इंतजाम चौक चौबंद हों। साथ ही उन्हें हिमाचल और कांगड़ा की विरासत, कल्चर के साथ साथ, खानपान, कला, हैंडीक्राफ्ट से भी रूबरू कराया जाए, ताकि वे यहां की समृद्ध संस्कृति की नई तस्वीर अपने दिन दिमाग में सहेज कर साथ ले जाएं। स्पष्ट है भविष्य में इसका सीधा लाभ हिमाचल के पर्यटन उद्योग को मिलेगा।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज यहां जारी एक प्रेस वक्तव्य में कहा कि वर्तमान राज्य सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कर्मचारियों सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कर्मचारियों को समय-समय पर सभी देय वित्तीय लाभ प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए मुख्यमंत्री ने काजा में हिमाचल दिवस के अवसर पर राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनधारकों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता करने की घोषणा की है। इससे महंगाई भत्ता बढ़कर 34 प्रतिशत हो गया है। इससे प्रदेश के लगभग 2.15 लाख कर्मचारियों और 1.90 लाख पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों और पेंशनरों के लाभ प्रदान करने की दिशा में वर्तमान सरकार के दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह मंहगाई भत्ता पूर्व सरकार के समय पिछले वर्ष से देय था, मगर पूर्व भाजपा सरकार ने इसे प्रदान करने में कोई रूचि नहीं दिखाई। उद्योग मंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने कर्मचारियों के लिए केवल संशोधित वेतनमान की घोषणा मात्र ही की और कर्मचारियों व पेंशनधारकों के बकाये और महंगाई भत्तों की किस्तें जारी करने के मामले में नाकाम रही। जिससे कर्मचारी व पेंशनधारकों को देय वित्तीय लाभों से वंचित रहना पड़ा। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने राज्य की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं और राजस्व वृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है।
लोक निर्माण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह से भेंट की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाया कि प्रदेश ने केंद्र सरकार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-3 के तहत 2813 करोड़ रुपए की लागत की 2565 किलोमीटर लंबी 242 सड़कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्रेषित की है। उन्होंने इन सड़कों के निर्माण कार्यों की शीघ्र स्वीकृति का आग्रह किया। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-3 के तहत 3125 किलोमीटर सड़क निर्माण लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसमें बैच एक के तहत गत वित्तीय वर्ष के दौरान 440 किलोमीटर सड़कों के लिए स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-3 के माध्यम से राज्य में ग्रामीण सड़क सुविधा को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए केंद्र सरकार से उदार सहायता एवं सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना तथा हरसम्भव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
शिमला नगर निगम के चुनाव के लिए कुसुम्पटी वार्ड 27 से भाजपा प्रत्याशी रचना झीना शर्मा ने अपने चुनावी कार्यालय का शुभारंभ किया। इस कार्यालय का उद्घाटन वार्ड के प्रभारी व विधायक जोगिंदर नगर प्रकाश राणा ने किया। उनके साथ गुड़िया सक्षम बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष रूपा शर्मा भाजपा महिला नेत्री उपस्थित रही। इस अवसर पर विधायक प्रकाश राणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नगर निगम में फिर से जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार के समय पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज के नेतृत्व में शानदार काम शिमला को स्मार्ट सिटी बनाने का हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नगर निगम ने हर क्षेत्र में काम किया है। इस मौके पर रचना झीना शर्मा ने कहा कि पार्टी के नेतृत्व की आभारी हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि कर्मठता के साथ पूरी टीम काम करेगी, पार्टी ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरेंगे। इस अवसर पर पूर्व पार्षद डिप्टी मेयर राकेश शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता रमेश सैनी, सह प्रभारी राजेश सैनी गोल्डी सहित अन्य भी उपस्थित रहे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने शिमला नगर निगम चुनावों के लिए मंत्रियों व विधायकों की सेक्टर वाइज प्रभारी व सह प्रभारी की जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। कांग्रेस महासचिव सगंठन महामंत्री रजनीश किमटा ने बताया कि सेक्टर 1 कृष्णा नगर, राम बाजार, लोवर बाजार व जाखू के लिए विधायक सुधीर शर्मा को प्रभारी व सीपीएस आशीष बुटेल को सह प्रभारी के साथ विधायक संजय रत्न, यादवेंद्र गोमा व चैतन्य शर्मा को लगाया गया है। सेक्टर 2 टूटू, मंजयाट, बालूगंज व कच्ची घाटी में चंद्र कुमार प्रभारी व सह प्रभारी संजय अवस्थी के साथ इंद्र दत्त लक्खन पाल व मलेंद्र राजन को लगाया गया है। सेक्टर 3 भराड़ी, रुलदू भट्टा, कैथू व अनाडेल में राजेंद्र राणा प्रभारी, किशोरी लाल सह प्रभारी के साथ देवेंद्र भुट्टो व विनोद सुलतानपुरी को लगाया गया है। सेक्टर 4 समरहिल, टूटीकंडी, नाभा व फागली में डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल प्रभारी राम कुमार सह प्रभारी के साथ अजय सोलंकी व चंद्र शेखर को लगाया गया है। सेक्टर 5 उप्पर ढली ,लोअर ढली,शांति विहार,भट्टाकुफर, कुसम्पटी में रोहित ठाकुर प्रभारी, सह प्रभारी राजेश धर्माणी के साथ नंद लाल व भुवनेश्वर गौड़ को लगाया गया है। सेक्टर 6 बेनमोर, इंजन घर,संजोली चौक,सांगटी में जगत सिंह नेगी प्रभारी,मोहन लाल ब्राक्टा सह प्रभारी के साथ रवि ठाकुर व भवानी सिंह पठानिया को लगाया गया है। सेक्टर 7 कंगना धार, पटियोग, न्यू शिमला खलीनी व कनलोग में हर्षवर्धन चौहान प्रभारी, सुंदर सिंह ठाकुर सह प्रभारी के साथ सुरेश कुमार व सुदर्शन बबलू को लगाया गया है। सेक्टर 8 मल्याणा, पंथा घाटी, छोटा शिमला व विकास नगर में विनय कुमार प्रभारी व रघुवीर सिंह बाली सह प्रभारी के साथ नीरज नय्यर, केवल सिंह पठानिया को लगाया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विजन के अनुरूप हिमाचल प्रदेश ग्रीन स्टेट बनने की ओर अग्रसर है। यातायात व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बसों से लैस किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को कांगड़ा जिले के लिए 30 सीटर 15 इलेक्ट्रिक बसों की खेप पहुंची है। शाहपुर के रैत मैदान में अनलोड की गई इन बसों को आगे संबंधित डिपुओं को भेजा गया है, जहां उन्हें एचआरटीसी फ्लीट में शामिल किया जाएगा। इस मौके शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ब्लॉक की कार्यकारिणी के समस्त सदस्यों के साथ रैत मैदान में मौजूद रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का कांगड़ा जिले की जनता की ओर से धन्यवाद करते हुए आभार जताया। केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने बजट भाषण में ई बसें चलाने की घोषणा की थी। यह अभूतपूर्व है कि एक पखवाड़े में ही यह घोषणा जमीन पर उतार दी गई है। उनकी दूरदर्शिता के चलते हिमाचल ग्रीन तकनीकी को बढ़ावा देने में देशभर में अग्रणी बना है। सरकार ने प्राइवेट ऑपरेटर्स को इलेक्ट्रिक्स बस, इलेक्ट्रिक्स ट्रक, इलेक्ट्रिक्स टैक्सी, ई गुड्स कैरियर्स लेने पर 50 प्रतिशत की दर से अधिकतम 50 लाख रुपये उपदान का प्रावधान किया है। इससे प्राइवेट यातयात भी ई वाहनों की ओर बढ़ेगा तथा प्रदेश हरित विकास का नया मॉडल देने में मिसाल कायम करेगा। इस अवसर पर कांग्रेस के ब्लॉक उपाध्यक्ष प्रदीप बलोरिया, प्रधान सल्ली निर्मल,सोशल मीडिया प्रभारी विनय, विवेक राणा, पूर्व प्रधान संजय, किशन मेहरा, अक्षय, एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन के प्रधान मान सिंह, मिलाप चंद, मुख्तयार, अरुण, कृष्ण, यशवंत, कश्मीर, कमलेश, अजय तथा रमन उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के चलते कैनेडी चौक से लेकर बालूगंज तक सड़क पर यातायात 19 अप्रैल को प्रतिबंधित रहेगा। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी आदित्य नेगी की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेशों के अनुसार सुबह 10 से लेकर सायं 5 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए यातायात बंद रहेगा। आपातकाल वाहनों पर ये नियम लागू नहीं होंगे।
शिमला शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने के लिए पुलिस अधीक्षक शिमला संजीव गांधी द्वारा ट्रैफिक कर्मचारियों को विशेष हिदायत दी गई है तथा ट्रैफिक-व्यवस्था में सुधार लाने के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। आमजन एवं पर्यटकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की गई है। आमजन एवं पर्यटकों को हिदायत दी गई है कि शिमला में पहुंचने के पश्चात वे अपने वाहन को निर्धारित पार्किंग में पार्क करें एवं वहां से अपने गंतव्य पर जाने के लिए स्थानीय टैक्सीज का उपयोग करें, ताकि भिन्न-भिन्न स्थानों पर ट्रैफिक जाम से बचा जा सके एवं समय की भी बचत हो सके। शिमला पुलिस द्वारा आमजन एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए शहर में निर्धारित एक दर्जन पार्किंग स्थलों की सूची सोशल मीडिया के माध्यम से जारी की गई है। प्रस्तावित राष्ट्रपति के दौरे के दौरान शिमला पुलिस द्वारा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत करीब 100 से अधिक कैमरा शहर में वर्तमान में संचालित किए गए हैं। इनकी लाइव स्ट्रीम जिला पुलिस लाइन कैथु में बनाए कंट्रोल रूम में मॉनिटरिंग की जाती है। पुलिस उप अधीक्षक नरवीर सिंह राठौर के नेतृत्व में एक पुलिस टीम इन कैमरा की निरंतर मॉनिटरिंग कर रही है तथा शहर में जहां पर भी यातायात उल्लंघन या ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है तो तुरंत वायरलेस संदेश द्वारा यातायात पुलिस को मौका पर सूचित किया जा रहा है। नरवीर सिंह राठौर ने बताया कि शिमला शहर में सीसीटीवी कैमरा की सुविधा उपलब्ध होने पर आमजन एवं पर्यटकों को ट्रैफिक जाम से निजात पाने में काफी सुविधा प्राप्त हुई है। शिमला ट्रेफिक एडवाइजरी द्वारा आमजन एवं पर्यटकों से अनुरोध किया गया है कि यदि कोई अज्ञात वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है, तो इसकी सूचना निकटतम ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को दी जानी चाहिए। आम जनता और मोटर चालकों से अनुरोध है कि वे धैर्य रखें, यातायात नियमों और सड़क अनुशासन का पालन करें और सभी चौराहों पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। लोगों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और असुविधा से बचने के लिए पर्याप्त समय अपने पास रखें।
अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन की प्राइवेट आईटीआई दाड़लाघाट में महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दाड़लाघाट आईटीआई के एडवाइजरी कमेटी सदस्य विद्यासागर ठाकुर व राजेश गुप्ता ने बताया कि 18 अप्रैल को आईटीआई दाड़लाघाट में महिला खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। प्रतियोगिता में विभिन्न जगहों से आईटीआई के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता का का शुभारंभ मुख्य संसदीय सचिव व विधायक अर्की संजय अवस्थी सुबह 11 बजे दाड़लाघाट आईटीआई संस्थान से करेंगे। विद्या सागर ठाकुर व राजेश गुप्ता ने क्षेत्र के लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में इस प्रतियोगिता में पहुँचने का आह्वान किया है।
भाजपा नगर निगम चुनाव प्रभारी एवं पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी ने बताया कि शिमला नगर निगम चुनावों के लिए भाजपा के 12 प्रत्याशियों ने नामांकन दर्ज किए। इसमें कृष्णानगर वार्ड से बिट्टू पांटा, कंगनाधार से रानू चौहान, कच्चीघाटी से अलका कंवर, लोअर बाजार से भारती सूद, पटयोग से आशा शर्मा, अन्नाडेल से डॉ. सपना कश्यप, समरहिल शैली शर्मा, टूटू से मीनाक्षी गोयल, न्यू शिमला ने निशा ठाकुर, रुल्दू भट्टा से सरोज ठाकुर, विकास नगर से रमा कुमार और सांगटी से कमल ठाकुर ने नामांकन भरा है। सुखराम चौधरी ने कहा कि कांग्रेस जिस प्रकार से झूठ का प्रचार हिमाचल प्रदेश में कर रही है, उससे नगर निगम शिमला में भाजपा का परचम लहराना तय है। जब से कांग्रेस पार्टी सत्ता में आई है तब से उन्होंने केवल झूठ की राजनीति की है। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी की सरकार के कार्यकाल में आम जनता के ऊपर महंगाई का बोझ बढ़ता चला जा रहा है। पहले डीजल के ऊपर 3 रुपये वैट बढ़ाकर उन्होंने जनता के ऊपर बोझ बढ़ा दिया और अब डिपो में सरसों के तेल की कीमत में 10 रुपये की बढ़ोतरी के बाद सस्ते राशन के डिपो में सरसों का तेल 142 रुपये लीटर मिल रहा है और अगर हम आम बाजार की बात करें तो सरसों का तेल 130 रुपये तक का मिल जाता है।
बाहरा विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में देशभर से विभिन शिक्षण संस्थानों की 28 टीमों ने भाग लिया। बाहरा विश्वविद्यालय के डीन अकेडमिक अफ़ेयर्स प्रो. श्रीपद मार्कंडे ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। यह प्रतियोगिता लगातार तीन दिन तक भिन्न-भिन्न चरणों में चली और सभी प्रतिभागियों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता के अंतिम चरण में प्रदेश उच्च न्यायालय से सेवानिवृत्त जज सुरेंद्र सिंह ठाकुर, ज़िला न्यायालय शिमला के जज प्रेम पाल रांटा और प्रोफ़ेसर संजय सिंधु हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला विधि विभाग के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। सभी सम्मानित जजों को बाहरा विश्वविद्यालय के विधि विभाग द्वारा हिमाचली टोपी, शाल और पौधा देकर सम्मानित किया। सभी जजों ने अपने अपने अनुभव भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए। राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता की विजेता टीम तमिलनाडु डॉ. अंबेडकर लॉ यूनिवर्सिटी चेन्नई व उपविजेता एमएमएम शंकरराव चव्हाण लॉ कॉलेज पुणे रही। विजेता टीम को 25000 रुपये कैश प्राइज मोमेंटो और उप विजेता 11000 रुपये कैश प्राइज और मोमेंटो प्रदान किया गया। सभी ने विजेता टीम को बधाई दी। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ शोधकर्ता अमन रंजन कैंपस लॉ सेंटर नई दिल्ली, सर्वश्रेष्ठ मेमोरीयल कैंपस लॉ सेंटर नई दिल्ली, सर्वश्रेष्ठ प्रेरक सुश्री पारुल शर्मा भारतीय कानूनी अध्ययन संस्थान, घणाहटी के रहे। इस अवसर पर बाहरा विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार विनीत कुमार, विधि विभाग के विभागाध्यक्ष डाक्टर मन्दीप वर्मा, मूट कोर्ट के स्योंजक उमेश, डाक्टर रचिता नेगी, डाक्टर अदिति, सहायक आचार्य डाक्टर पूनम, राशी सुद , श्वेता कटोच, रीटा, नीतीश, दीपशिका, राम, लाल दास, ज्ञान और विधि विभाग के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू में चल रही अंतरसदनीय क्रिकेट स्पर्धाएं संपन्न हो गईं। ये स्पर्धाएं दो श्रेणियों के लिए आयोजित की गई थीं। कनिष्क वर्ग में कक्षा 6-9 तथा वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 10-12 के विद्यार्थी शामिल थे। चारों सदनों क्रमशः चिनार, देवदार, ओक और टीक के बॉयज की दोनों श्रेणियों में कुल 8 टीमें थीं। सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले गए। कनिष्क वर्ग के मुकाबलों में पहला मैच चिनार और टीक सदन के मध्य खेला गया, जिसमें चिनार सदन नें पहले बल्लेबाज़ी करते हुए टीक सदन को 10 ओवरों में 5 विकटें खोकर 77 रनों का लक्ष्य दिया। टीक सदन की टीम 7.4 ओवरों में मात्र 39 रन बनाकर आलआउट हो गई और चिनार सदन नें फाइनल में प्रवेश किया। इसी वर्ग के एक अन्य मैच में ओक सदन ने टॉस जीतकर देवदार सदन को पहले बल्लेबाज़ी का न्योता दिया। देवदार सदन नें कुल निर्धारित 10 ओवरों में मात्र 3 विकट खोकर ओक सदन के लिए 80 रनों का लक्ष्य रखा। देखने योग्य बात यह रही कि ओक सदन का कोई भी खिलाड़ी आउट नहीं हुआ, लेकिन ओक सदन की टीम 5 रनों से हार गई। देवदार सदन के रणविजय की स्टीक गेंदबाजी के आगे ओक सदन ने हथियार डाल दिए। इसी श्रेणी का फाइनल मैच चिनार एवं देवदार के मध्य खेला गया। चिनार सदन नें टॉस जीता पहले बल्लेबाज़ी का निर्णय लिया व 10 ओवरों में 6 विकट खोकर देवदार के लिए 68 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। देवदार सदन नें चार विकट खोकर मैच जीतकर कनिष्क वर्ग विजेता का खिताब अपने नाम किया। वारिष्ट वर्ग में कक्षा 9-12 में ओक सदन नें चिनार सदन को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं देवदार सदन नें टीक को हराकर फ़ाइनल में अपने लिए जगह सुरक्षित की। फ़ाइनल मैच देवदार एवं ओक के मध्य खेला गया, जिसमें देवदार सदन नें ओक को हराकर विजयश्री का खिताब अपने नाम किया। हेड ऑफ़ स्पोर्ट्स मिस्टर दिगंबर भट्ट नें जानकारी दी कि सभी मैच बीसीसीआई के नियमानुसार खेले गए। विद्यालय के हेड ऑफ़ स्कूल कैप्टेन रेणु शर्मा, हेड टीचर पंकज शर्मा और गतिविधि प्रभारी गुरप्रीत सिंह नें विजेता टीमों को हार्दिक बधाई दी।
सोमवार को प्रेस क्लब सोलन की मासिक बैठक का आयोजन प्रेसरूम में किया गया, जिसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता क्लब के चीफ पैटर्न मुकेश कुमार और अध्यक्ष मनीष शारदा ने की। बैठक में फैसला लिया गया कि प्रेस क्लब सोलन के निर्माण को लेकर क्लब के पदाधिकारी जल्द सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिलेंगे। बैठक के दौरान क्लब के सदस्यों को ट्रैक सूट वितरित किए गए। क्लब के सदस्यों ने नए डीसी मनमोहन शर्मा से भी मुलाकात कर शहर की समस्याओं के बारे में उन्हें अवगत करवाया। क्लब की ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी मोहिनी सूद ने बताया कि मासिक बैठक में विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा हुई है। वहीं, डीसी सोलन से प्रेस क्लब सोलन के निर्माण को लेकर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जो भी सहायता क्लब को प्रशासन से चाहिए, वह उन्हें मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब सोलन के निर्माण को लेकर भूमि का चयन किया जा चुका है और प्रेस क्लब का निर्माण जल्द हो इसको लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी मुलाकात की जाएगी। वहीं, आगामी दिनों में किन खेल गतिविधियों और अन्य सामाजिक कार्यो को लेकर क्या-क्या कार्य किए जाने है, इसको लेकर चर्चा की गई है। बैठक में महासचिव प्रताप भारद्वाज, वरिष्ठ पत्रकार सतीश बंसल, मनमोहन वशिष्ठ, भूपेंद्र ठाकुर, कीर्ति कौशल, संदीप शर्मा, मनीष, सौरभ शर्मा, मदन हिमाचली, ऋतु हांडा, भावना, मनोज, अमित, ललित, रोहित गोयल, जय ठाकुर, सुनील, विनोद व विशाल मौजूद रहे।
नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक व प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रघुबीर सिंह बाली ने आज अपनी विधानसभा में स्वास्थ्य क्षेत्र में जनता को तोहफा दिया है। उन्होंने नगरोटा के सिविल अस्पताल में ट्रूनेट मशीन का उद्घाटन किया व मुख्यमंत्री मोबाइल क्लिनिक भी शुरू किया। इस दौरान वहां पर काफी मात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ता व डॉक्टर, अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहा। इस दौरान बाली ने अस्पताल में वार्डों का दौरा कर मरीजों का जाना हाल भी जाना है। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस सेवा के माध्यम से हर गांव व घर में जाकर लोगों का चेकअप करना यह हमारी सोच है। उन्होंने प्रदेश सरकार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व अन्य स्वास्थ्य से जुड़े लोगों का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि नगरोटा विधानसभा के हर एक गांव में एंबुलेंस के जाने का समय निर्धारित किया जाएगा। गांव में एंबुलेंस जाने के लिए रोड मैप भी तैयार किया जाएगा। इसके बाद घोषणा की जाएगा कि किस गांव में एंबुलेंस किस दिन जाएगी। एंबुलेंस में सभी टेस्ट किए जाएंगे और हर हफ्ते पांच दिन इस सेवा को लागू किया गया है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला कांगड़ा द्वारा आज उपायुक्त के माध्यम से शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। परिषद की प्रदेश समीक्षा योजना बैठक हाल ही में 10-11 अप्रैल को नाहन में संपन्न हुई थी। इस बैठक के दौरान शिक्षा क्षेत्र से कुछ ऐसे मुद्दे निकल कर आए, जिनकी वजह से प्रदेश के छात्रों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस बैठक में प्रमुख 7 मुद्दों - छात्र संघ चुनाव को शीघ्र बहाल करना, स्थाई कुलपति व विश्वविद्यालय की स्वायत्तता को शीघ्र बहाल करना, सभी महाविद्यालयों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना, महाविद्यालयों में प्राचार्य, शिक्षकों व गैर शिक्षकों की भर्तियां शीघ्र करना, ERP प्रणाली को शीघ्र सुधारना, शोधार्थियों को मिलने वाली 3000 रुपये शोध प्रोत्साहन राशि योजना को जल्द से जल्द लागू करना व नौणी विश्वविद्यालय व कृषि विश्वविद्यालय में बढ़ी हुई फीस को कम करने पर मंथन किया गया। इन 7 मुद्दों को लेकर परिषद ने प्रदेश स्तरीय आंदोलन करने का आह्वान किया है। इसी कड़ी में परिषद 19 अप्रैल को प्रदेश के प्रत्येक महाविद्यालय में हस्ताक्षर अभियान चलाएगी, 25 अप्रैल को विश्वविद्यालयों केंद्रों पर धरना-प्रदर्शन व 28 अप्रैल को विश्वविद्यालयों केंद्रों व जिला केंद्रों में 24 घंटे की सांकेतिक भूख हड़ताल की जाएगी।
राजधानी शिमला में नगर निगम चुनावों का बिगुल बज चूका है और टिकट आवंटन के साथ ही राजनीतिक पारा चढ़ने लगा है। वहीं देर रात तक चली कांग्रेस पार्टी नेताओं की बैठक के बाद दस प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगी है। हालांकि, अभी भी आठ वार्डों में प्रत्याशियों के नाम तय करने को लेकर पार्टी को जद्दोजहद करनी पड़ रही है। इनमें एक से ज्यादा दावेदार होने के कारण अभी तक प्रत्याशियों के नाम तय नहीं हो पाए हैं। देर रात जारी की गई सूची में भराड़ी वार्ड से शहरी कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, कैथू से कांता सुयाल, मज्याठ से अनिता शर्मा, कच्चीघाटी से किरण शर्मा, रामबाजार से सुषमा कुठियाला, फागली से रूप चंद, जाखू से अतुल गौतम, संजौली से ममता चंदेल, लोअर ढली से विशाखा मोदी और कंगनाधार से रामरतन वर्मा को पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है और आठ प्रत्याशियों की अंतिम सूची अब सोमवार को जारी हो सकती है। वहीं सोमवार और मंगलवार को नामांकन भरने का समय है। कांग्रेस से टिकट के इंतजार में देर रात तक दावेदार भी जागते रहे। पार्टी नेताओं की बैठक देर शाम सात बजे से शुरू हो गई थी। लेकिन दस दावेदार तय करने में 11:30 बज गए। टिकट मिलने से जहां कुछ दावेदार अब नामांकन भरने की तैयारी में जुट गए हैं तो कुछ दुखी हैं। दूसरी तरफ भाजपा भी अभी तीन वार्डों में भराड़ी, कैथू और मल्याणा में अपने प्रत्याशी तय नहीं कर पाई है। अभी भाजपा 31 वार्डों में ही प्रत्याशी तय कर पाई है। तय किए गए ज्यादातर प्रत्याशी सोमवार को नामांकन भी भर सकते है।


















































