नेशनल पब्लिक स्कूल धुन्दन का बारहवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। विद्यालय की छात्रा नूपुर ठाकुर ने 97.6% अंक प्राप्त किए। विज्ञान संकाय में नूपुर ठाकुर ने 97.6 प्रतिशत अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि रितिका शर्मा ने 92 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा स्थान और आकांक्षा वर्मा ने 90 प्रतिशत अंक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार वाणिज्य विषय में आरती ठाकुर ने 92.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान।कामिनी ने 74 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा स्थान और मुस्कान ठाकुर ने 73 प्रतिशत अंक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। कला संकाय में नेहा तंवर ने 95.4 प्रतिशत अंक लेकर पहला स्थान, वरुण ठाकुर ने 92.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान, हर्षित वर्मा ने 90% अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। स्कूल प्रधानाचार्य भीमा वर्मा ने विद्यालय की इस उपलब्धि पर कहा की यह सब बच्चों की मेहनत का फल है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों तथा उनके माता-पिता व अध्यापकों को हार्दिक बधाई दी।
श्री साई मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर, नाहन में श्री साई आई ० वी ० एफ सेंटर, अम्बाला की निदेशिका डॉ श्रद्धा बेदी द्वारा नाहन के कोरोना वारियर को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में डॉ श्रद्धा बेदी ने कोविड -19 महामारी के दौरान बेहतर कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बी एम ओ दंगेड़ा डॉ. मोनिशा अग्रवाल, डॉ संजीव सहगल सी एम ओ, कृष्णा हेल्थ वर्कर, डॉ ललित महाजन, डॉ वीणा संघल, डॉ विनोद संघल, इन्नर विहल क्लब की अध्यक्षा एवं कॉउंसलर रचना गौतम, सेक्रेटरी अल्का गर्ग एवं भूतपूर्व अध्यक्ष अनुभा गुप्ता को सम्मानित किया गया। फ्रंट लाइन वर्कर द्वारा कोविड -19 महामारी में दिन रात लोगों की सहायता करने व् आम जन मानस को कोविड -19 के बारे में जागरूक किया था। इस अवसर पर डॉ श्रद्धा बेदी ने सभी सम्मानित हुए कोरोना वारियर द्वारा किये गए कार्य की सराहना की व् सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा की कोरोना महामारी के दौरान सभी फ्रंट लाइन वर्कर्स ने दिन रात एक कर के आम जनता को जागरूक किया। समय समय पर हर महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध करवाने में सहायता प्रदान की। जिस से नाहन क्षेत्र में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने में मदद हुई।
संत नामदेव समाज महासभा सोलन के तत्वावधान में 25 जुलाई 2021 को कुनिहार में बैठक का आयोजन किया जाएगा। संत नामदेव समाज महासभा के सदस्य संतराम पंवर ने बताया कि 25 जुलाई को कुनिहार में आयोजित होने वाली बैठक में जिला स्तरीय समिति बनाने के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, मुख्य सलाहकार की कार्यकारिणी के गठन सहित अन्य गतिविधियों व समस्याओं के ऊपर विचार विमर्श किया जाएगा। इस दौरान बैठक में राज्य स्तरीय समिति के अनुसार बैठक में चुनाव व अन्य गतिविधियों के बारे में रणनीति तैयार की जाएगी। संतराम पंवर ने बताया कि जिला सोलन के नामदेव समाज के सदस्यों से आग्रह है कि 25 जुलाई, 2021 को समय 11 बजे कुनिहार में आयोजित होने वाली बैठक में अधिक से अधिक संख्या में पहुँच कर इस बैठक को सफल बनाए। बैठक में नामदेव समाज सभा के संस्थापक सदस्य हिमाचल प्रदेश डॉ.संजय कौशल, डॉ.शशि पाल अत्री, राजेश नाम देव, डॉ अशोक राठौर सहित अन्य संत नामदेव समाज महासभा के सदस्य मौजूद रहेंगे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने शुक्रवार को जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के कुम्हारहट्टी में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। डाॅ. सैजल ने कुम्हारहट्टी में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के अस्थि कलश को श्रद्धासुमन अर्पित किए। आयुष मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह एक कुशल राजनेता होने के साथ-साथ महान व्यक्तित्व के धनी थे और प्रदेश की जनता पर उनका विशेष प्रभाव था। उन्होंने कहा कि जीवन में कभी भी किसी भी परिस्थिति में हार न मानने वाले जननायक को मैं हृदय की गहराईयों से श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। इस अवसर पर क्षेत्रवासी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
प्रारम्भिक शिक्षा विभाग सोलन द्वारा शासत्रि पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के सम्बन्ध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह जानकारी शुक्रवार को सोलन में उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा रोशन जसवाल ने दी। उन्होंने कहा कि नियुक्त उम्मीदवारों को आज आदेश जारी होने के 15 दिन के भीतर सभी औपचारिकताओं को पूर्ण करने के उपरान्त अपने नियुक्ति स्थान पर उपस्थित देनी अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए उपनिदेशक प्रारम्भिक शिक्षा के सोलन स्थित कार्यालय में दूरभाष नम्बर 01792-230440 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन में गत दिवस विश्व कौशल विकास दिवस पर युवाओं को कौशल विकास के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में कौशल विकास निगम के जिला समन्वयक नरेंद्र त्यागी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा रविन्द कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों की भाषण व कविता प्रतियोगिता करवाई गई। प्रशिक्षणार्थियों ने ‘बेस्ट आउट ऑफ बेस्ट’ के तहत माॅडल भी प्रदर्शित किए। संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त कर विभिन्न रोजगार प्राप्त करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवस पर संस्थान के पूर्व छात्रों को सफल प्रशिक्षण के उपरांत नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट (एनटीसी) भी वितरित किए गए। मुख्यातिथि ने इस अवसर पर कौशल विकास से सम्बन्धित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन के प्रधानाचार्य अजेश कुमार एवं अनुदेशक इस अवसर पर उपस्थित थे।
अंबुजा सीमेंट इंप्लाइज एसोसिएशन की ओर से एक विशाल भंडारे का आयोजन देवता श्री मढोड जी महाराज के प्रांगण में किया गया। इस दौरान कोविड-19 से प्लांट व समस्त कर्मचारी व इलाके के वासी सभी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना हेतु यह भंडारा आयोजित किया गया। इस मौके पर कोविड के नियमों का पालन करते हुए लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया एवं कंपनी के यूनिट हेड मनोज श्रीवास्तव तथा अन्य समस्त आला अधिकारी गण ने भी इस भंडारे में शिरकत की व देवता जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। यह जानकारी देते हुए एसोसिएशन के प्रधान पवन शर्मा ने बताया की समस्त इलाके के वासियों के अच्छे स्वास्थ्य हेतु व इस महामारी से बचाव रखने हेतु देवता जी महाराज से निवेदन किया गया तथा सभी हाजरीन का भी धन्यवाद किया। सभी लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण करके देवता जी महाराज से सर्व शुभ की कामना की। इस भंडारे में मंदिर कमेटी डवारु के सभी गुर व सदस्य भी मौजूद रहे व अपना भरपूर सहयोग प्रदान किया। इस मौके पर एसोसिएशन के महासचिव सुरेश शुक्ला, सुरेंद्र वर्मा, अनिल वर्मा, नागेंद्र गांधी, कमल देव, धर्म सिंह, प्रवीण कुमार, मोहन चंदेल व अन्य कार्यकारिणी के सभी सदस्य मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों की समय-2 पर अनेकों मांगे सरकार से रहती है। यदि इस समय कर्मचारियों की मांगो पर गौर करें तो सबसे शोषित समुह आउटसोर्स कर्मचारियों का है। ऐसे कर्मचारी जो किसी मैनपावर एजेंसी के माध्यम से सरकारी विभागों, निगमों, बोर्डों तथा केन्द्र की योजनाओं में कार्य कर रहे है। ये कर्मचारी सरकारी कार्यालय के दूसरेे नियमित कर्मचारियों की भांति कंधा से कंधा मिलाकर काम करते है लेकिन वेतन के नाम पर इनकी झोली हमेशा से ही खाली रहती है क्योंकि वेतन का एक बडा हिस्सा तो मैनपावर एजेंसी की कमीशन, सर्विस चार्ज तथा जी0 एस0 टी के रूप में कर्मचारियों से छिन्न लिया जाता है। उदाहरण के लिए एक 25000 रूपये वेतन का मैनपावर एजेंसी द्वारा केवल 15000 ही दिया जाता है। 30 दिन तक कार्यालय में लगातार काम करने के उपरांत 40 प्रतिशत वेतन कट जाता है। आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्यांए यहीं खत्म नहीं होती, एक ओर नौकरी की कोई सुरक्षा नहीं है कि कब तक है वहीं दूसरी ओर नाममात्र का वेतन वो भी कई कर्मचारियों को 2-3 महिने बाद मिन्नते करने के बाद मुश्किल से मिलता है। ई0 पी0 एफ0 में भी अनियमिततांए बरती जा रही है जिसकी कटौती कई कर्मचारियों को 5 महिने देरी से भी चल रही है जिस वजह से कर्मचारी ब्याज से वंचित रह जाता है। ई0 पी0 एफ0 का एक हिस्सा जो मैनपावर एजेंसी द्वारा जमा किया जाना होता है उसकी कटौती भी कर्मचारी के वेतन से ही की जाती है। ई0 एस0 आई0 सी0 के नाम पर भी कटौती की जाती है लेकिन इसका नंबर सभी को नहीं दिया जाता। सालाना इंक्रीमैंट से भी बहुत से कर्मचारी वंचित है। हिमाचल प्रदेश आउटसोर्स कर्मचारी महासंघ आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए लगाातार काम कर रहा है चाहे हिमाचल प्रदेश के लगभग 35000 कर्मचारियों में से कोई भी कर्मचारी किसी समस्या से जुझ रहा हो। हमेशा से ही सभी सरकारों द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों की मांगो को उनकी समस्याओं को मुख्य धारा से अलग समझा है। गत दिनों भी आउटसोर्स कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा ने फतेहपूर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हिमाचल सरकार में उद्योग मंत्री विक्रम सिंह, पंचायती राज मंत्री विरेन्द्र कंवर तथा स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल को कर्मचारी महासंघ की मांगो को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महासंघ ने कहा :- -कर्मचारियों के लिए एक स्थायी नीति बनाई जाए जिसमें उनकी नौकरी की सुरक्षा हो -सम्मानजनक तथा समय पर वेतन मिले -ई पी एफ को सही तरह के काटा जाए -वार्षिक वेतन वृद्धि मिले तथा सरकारी भर्तियों में आरक्षण मिले जिससे आउटसोर्स कर्मचारियों का शोषण रूक सके। प्रदेश के मुख्यमंत्री को इन मांगों को पूरा करने का प्रयास अवश्य करना चाहिए क्योंकि किसी व्यक्ति विशेष से नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश के लगभग 35000 परिवारों की मांग है। यदि सरकार इन मांगों को मानती है तो यह हिमाचल के इतिहास में एक महत्वपुर्ण निर्णय होगा। साथ ही साथ मुख्यमंत्री ने बज़ट सत्र में आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए माड्ल टेंडर डाक्यूमेंट को तैयार करने की बात कही थी जो आज तक तैयार नहीं हुआ है कम से कम सरकार को बजट की घोषणाओं को पूरा करने का प्रयास करना चाहिए क्योंकि हजारों लोगों को इस डाक्यूमेंट का इंतजार है।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने कहा कि हम सभी को कोविड-19 से बचाव के लिए ‘मास्क पहनो, कोरोना रोको’ के सूत्र को जीवन में अपनाना है। कृतिका कुल्हारी शुक्रवार को सोलन में कोविड-19 की सम्भावित तीसरी लहर से निपटने के लिए जिला कार्यबल के साथ-साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए नियम पालन अत्यन्त आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से सुरक्षित रहने के लिए शत-प्रतिशत जनसंख्या का टीकाकरण जरूरी है। उन्होंने कहा कि जन-जन का यह कर्तव्य है कि वह ‘टीकाकरण करवाए और मास्क पहने ताकि कोरोना संक्रमण से बचा जा सके’। उन्होंने कहा कि टीके की दोनों खुराक लेने के उपरान्त भी हमें सभी सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से मास्क पहनना है। मास्क का प्रयोग न केवल संक्रमण के प्रसार को रोकने में सहायक है अपितु इसके माध्यम से जन-जन की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि सोलन जिला में भी कोरोना वायरस के डेल्टा वेरिएंट की पुष्टि हुई है। बचाव के लिए यह आवश्यक है कि सभी सही प्रकार से मास्क पहने, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें, बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाइजर से साफ करें तथा अपना टीकाकरण करवाएं। उपायुक्त ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि नियम पालन न करने पर विधि सम्मत कार्यवाही अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तियों का चालान काटा जाए जो मास्क न पहनकर तथा नियमों की अवहेलना कर अन्य के लिए खतरा बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों का प्रदेश एवं जिला में स्वागत है किन्तु यह सुनिश्चित बनाया जाए कि सभी पर्यटक कोविड से बचाव के लिए विभिन्न नियमों का पालन करें और राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों को मानें। कृतिका कुल्हारी ने सभी उपमण्डलाधिकारियों को निर्देश दिए कि उपमण्डल स्तर पर निगरानी टीमें गठित करें ताकि सभी होटलों और ढाबों के साथ-साथ पर्यटकों की गतिविधियों का अनुश्रवण किया जा सके। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए यह आवश्यक है कि होटलों एवं ढाबों में आने वाले एवं कार्य करने वालों की समय-समय पर सैम्पलिंग की जाए ताकि यदि कोई कोविड पाॅजिटिव पाया जाता है तो उसका समुचित उपचार कर अन्य को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने ग्राम स्तर तक कार्यबल गठित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग यह सुनिश्चित बनाए कि कोविड सैम्पलिंग के तहत 50 प्रतिशत आरटीपीसीआर तथा 50 प्रतिशत रेपिड एंटीजन परीक्षण (आरएटी) किए जाएं। कृतिका कुल्हारी ने सभी उपमण्डलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, विभिन्न व्यापार मण्डलों, होटल एसोसिएशन के सदस्यों के साथ बैठक कर उन्हें कोविड-19 से बचाव के लिए अपनाए जा रहे नियमों की जानकारी दें और यह सुनिश्चित बनाएं कि सभी स्तरों पर नियम पालन के साथ-साथ परीक्षण भी किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिला के बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ और परवाणू औद्योगिक क्षेत्र में भी बैठक कर कोविड नियम पालन सुनिश्चित बनाया जाए। इन क्षेत्रों में भी सैम्पलिंग पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कोविड पाॅजिटिव पाया जाता है तो उसके सम्पर्क में आने वाले प्राथमिक सम्पर्कों की सघन जांच सुनिश्चित बनाई जाए। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिला में मास्क नहीं तो, सेवा नहीं (नो मास्क-नो सर्विस) की नीति का कड़ाई से पालन किया जाए। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि जिला में कोविड-19 की सम्भावित तीसरी लहर से निपटने के लिए आवश्यक प्रबन्ध सुनिश्चित बनाए जा रहे हैं। समर्पित कोविड केयर केन्द्रों तथा मेकशिफ्ट अस्पतालों के अतिरिक्त क्षेत्रीय अस्पताल सोलन, नागरिक अस्पताल अर्की, ईएसआई परवाणू, नागरिक अस्पताल चायल तथा नागरिक अस्पताल कुनिहार में ऑक्सीजन सयंत्र स्थापित करने का कार्य विभिन्न चरणों में है। उपायुक्त ने सभी से आग्रह किया कि जन-जन को सही प्रकार से मास्क पहनने, सोशल डिस्टेन्सिग अपनाने तथा टीकाकरण करवाने के विषय में जागरूक बनाएं ताकि लोगों को कोविड-19 संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके। अतिरिक्त उपायुक्त ज़फ़र इकबाल ने सभी से आग्रह किया कि कोविड-19 से बचाव के लिए टीम भावना के साथ एकजुट होकर कार्य करें और नियमित तौर पर अपने सुझाव प्रशासन को देते रहें। उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, उपमण्डलाधिकारी अर्की शहजा़द आलम, उपमण्डलाधिकारी कसौली डाॅ. संजीव धीमान, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डाॅ. विकास सूद, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, नगर निगम सोलन के आयुक्त एलआर वर्मा, सहायक आयुक्त सोलन भानु गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. मुक्ता रस्तोगी, डाॅ. गगनदीप राजहंस, डाॅ. वीके गोयल, सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन की एनएसएस इकाई के स्वयंसेवियों ने औषधीय पौधे तुलसी का पौधारोपण कर समाज को पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। कोरोना महामारी के दौरान रोगियों की संख्या अत्यधिक बड़ी, जिसके कारण ऑक्सीजन व औषधीय पौधों के महत्व की आवश्यकता महसूस हुई। इस संदेश को कार्यक्रम अधिकारी पीसी बट्टू व डॉक्टर करुणा के साथ सभी स्वयंसेवकों ने अपने-अपने घरों में रहकर 2 से 5 तुलसी के पौधे लगाकर सामाजिक जागरूकता के दायित्व का निर्वहन किया।इस अवसर पर 50 स्वयंसेवकों ने 201 तुलसी के पौधे लगाए। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने सभी स्वयंसेवकों का हौसला बढ़ाते हुए कार्यक्रम की सराहना की तथा बरसात के मौसम में अन्य पौधों को लगाने का आह्वान भी किया।
लडभडोल: लांगणा पंचायत के वार्ड नंबर 2 समोंण में अच्छर सिंह के घर के आँगन में लगाये गए डंगे के गिरने से 4 परिवारों के घरों को खतरा पैदा हो गया है तथा गाँव को जोड़ने वाला रास्ता भी बन्द हो गया है | यह घटना सुबह लगभग 4:00 बजे के आसपास घटित हुई | सुरक्षा की दृष्टि से देखते हुए लोगों को पहले ही घरों से बाहर रहने को कहा गया था| क्योंकि अच्छर सिंह के घर के आंगन में लगा डंगा कुछ दिन पहले धस चुका था | जिससे उस डंगे के गिरने का खतरा था | प्रभावितों में अच्छर सिंह, जसवंत सिंह, हरि सिंह और शेर सिंह के परिवार शामिल है | पंचायत प्रधान चंद्रमणि राणा, उप प्रधान जीवनलाल ने भी घटनास्थल का मौका करके राजस्व कर्मियों को सूचित कर दिया तथा प्रभावित परिवारों को उचित भरपूर सहायता देने का भी आश्वासन दिया |
डाडासीबा पंचायत को प्रदेश उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर द्वारा 26 सोलर लाइट उपलब्ध कराई गईं। मंत्री के पीआरओ सुमित वालिया की देखरेख में उनको उपयुक्त स्थानों पर लगवाया गया। इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान डाडासीबा सपना देवी ,मोहित मेहरा ,कमल कुमार ,सुनील शर्मा ,रोहित, करण ,बाबा मोहन पुरी, सुनील पाधा एवं बाबा सोहन पुरी मौजूद रहे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के प्रदेश मंत्री विशाल वर्मा ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि 15 अगस्त, 2022 को देश की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् 15 अगस्त, 2021 से स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों को याद करते हुए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। इसी कड़ी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने तय किया है कि विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा आम जनमानस को साथ लेते हुए 15 अगस्त, 2021 को हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक गांव में तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। इस अभियान हेतु विद्यार्थी परिषद् ने प्रांत स्तर पर टीम का गठन किया है, जिसके प्रदेश संयोजक के नाते अभिषेक कुमार रहेंगे तथा प्रदेश सह-संयोजक के नाते प्रदीप कुमार, शक्ति शर्मा, नैंसी अटल, आकाश नेगी, गौरव अत्री, अभिलाष शर्मा, गौरव कुमार और अनिल कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रांत मंत्री विशाल वर्मा ने कहा कि देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए असंख्य वीरों ने स्वतंत्रता संग्राम में संघर्ष किया, अपने प्राणों की आहुतियां तक दे दी जिसके परिणामस्वरूप ही स्वतंत्र भारत का स्वप्न साकार हुआ था। इन सब बलिदानों को याद करते हुए आजादी के 75 वर्षों का एहसास देश के लिए ऐतिहासिक पर्व है। स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई में अलग-अलग आंदोलनों, बलिदानों तथा घटनाओं की अपनी-अपनी अहमियत और प्रेरणा है, जिन्हें याद करते हुए ही हमें आगे बढ़ना चाहिए। आजादी के पश्चात कुछ इतिहासकारों द्वारा देश की स्वतंत्रता के इतिहास को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया। मात्र कुछ लोगों के ही आंदोलन के संघर्ष को ही दर्शाया गया। परंतु वास्तव में स्वतंत्रता संग्राम के अंदर असंख्य वीरों ने संघर्ष किया है अपने प्राणों की आहुतिया तक दी है। जिनका जिक्र हमें इतिहास में कहीं पर भी दिखाई नहीं पड़ता। स्वतंत्रता के आंदोलन में हिमाचल प्रदेश का भी विशेष योगदान रहा है। क्योंकि गुलामी के कालखंड में हिमाचल प्रदेश में भी अंग्रेजों की कई छावनीया विद्यमान थी। देश में प्रतिरोध रूपी घटित घटनाओं का दिग्दर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश में भी अनेकों वीर पुरुष स्वाधीनता आंदोलन के यज्ञ में कूदे थे। जिसमें से यदि ध्यान करें तो सूबेदार भीम सिंह, दरोगा बुद्धि सिंह, रामप्रसाद बैरागी, मानदास, सूरतराम, सरदुल, केशवराम जैसे असंख्य नाम निकल कर हमारे सामने आते हैं जो हिमाचल प्रदेश से संबंध रखते थे और जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के आंदोलनों में अपनी अहम भूमिका निभाई थी। परंतु विडंबना यह रही कि ऐसे महान पुरुषों की गाथाओं को इतिहासकारों ने सही ढंग से प्रस्तुत नहीं किया। हम सभी का यह दायित्व बनता है कि हम अपने राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास, स्वाभिमान तथा बलिदान की परंपराओं से अपनी नई पीढ़ी को अवगत करवाएं। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के लिए "भारत माता की जय" यह केवल एक नारा नहीं है बल्कि एक प्रतिबद्धता है भारत माता के लिए जीने की। इसी सोच को ध्यान में रखते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने 15 अगस्त के उपलक्ष्य पर हिमाचल प्रदेश के 7500 गांव में तिरंगा फहराने का जिम्मा उठाया है। इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक गांव में वहां के स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता एक सार्वजनिक स्थान तय करते हुए वहां पर तिरंगा फहराएंगे और साथ ही सामूहिक राष्ट्रीय गान गाया जाएगा तथा भारत मां के जयघोष के साथ महान बलिदानों को याद करते हुए भारत माता के वीर सपूतों को याद किया जाएगा। यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश के 7500 गांवों में एक ही समय पर शुरू होगा जिसका समय 10:00 बजे प्रातः निर्धारित किया गया है। एक कार्यक्रम में प्रत्येक गांव के पूर्व सैनिकों, शहीद सैनिकों के परिवार तथा प्रत्येक आम नागरिक को आमंत्रित किया जाएगा।
डाडासीबा आईटीआई में गुरुवार को विश्व युवा कौशल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन को सभी व्यवसायों के प्रशिक्षार्थियों ने सुना। जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में बताया कि किस तरह से हम अलग- अलग व्यवसायों में कौशल प्राप्त करके एक नवभारत का निर्माण कर सकते हैं। इस दौरान सभी प्रशिक्षार्थियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को बहुत ही ध्यानपूर्वक सुना। इस मौके पर आईटीआई डाडासीबा के प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह ठाकुर सहित समस्त अनुदेशकों ने भी परीक्षार्थियों को अलग अलग व्यवसायों में कौशल प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया व प्रशिक्षार्थियों को अपने व्यवसाय में नवप्रवर्तन की सोच के साथ कुछ नया विचार करने की बात कही। इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा सदवां व दोदूँ ब्राह्मणा में पौधारोपण दिवस का आयोजन किया गया जिसमें सदवां के नेचर पार्क व दोदूँ गांव में 50 ओषधीय पौधे रोपे गए इस अभियान के अंतर्गत सदवां में जिलाध्यक्ष अनिता सिपेइया व जिला परिषद उपाध्यक्ष स्नेहलता व दोदूँ में मण्डल अध्यक्षा सत्या सूद व चेयरमैन बीडीसी रेणु शर्मा की आध्यक्षता में कार्यक्रम सम्पन हुआ। जिलाध्यक्ष अनीता सिपेइया ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत 25 मतदान केंद्रों पर पौधरोपण किया जाएगा। वृक्षों को धरती माँ के वस्त्र बताते हुए कहा कि उन्होंने कहा कि ओषधीय पौधों के रोपण से स्वास्थ्य लाभ भी मिलेगा व वातावरण भी शुद्ध होता है। इस कार्यक्रम में जिलाउपाध्यक्ष कल्पना शर्मा, बीडीसी अनीता कुमारी प्रधान जम्बल अर्चना कुमारी प्रधान बिंदु राणा व राजीव धीमान भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
मुबारिकपुर से दौलतपुर रोड़ पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार करीब 62 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे का शिकार हुआ व्यक्ति अच्छरु अमलेहड़ के कमाली गांव का रहने वाला था और जलशक्ति विभाग से सेवानिवृत्त बताया जा रहा है। वहीं हादसे की सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक है शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार अच्छरु करीब साढ़े 11 बजे के करीब घर से मुबारिकपुर की ओर काम से आ रहा था। इस दौरान मुबारिकपुर पहुंचने से पहले ही मोड़ पर बाजार की तरफ से आ रहे कंटेनर की चपेट में आकर हादसे का शिकार हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डीएसपी अम्ब सृष्टि पांडे ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया की मुबारिकपुर पुलिस ने हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है और हादसे में शामिल वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नाडा इंडिया फाउंडेशन के सौजन्य से यूथ वारियर डिफेंस अकादमी चक्क के सहयोग से वीरवार को अंतराष्ट्रीय युवा स्किल डे 2021 के ऊपर समाजिक रोजगार विकास के ऊपर एक वेबिनार का आयोजन किया गया जिसमें 200 लोगो ने भाग लिया। इस वेबिनार के माध्यम से युवाओ को तंबाकू आदि समाजिक बुराईयो से दूर रखने के लिए जागरूक किया साथ ही युवाओ को रोजगार से कैसे जोड़ा जा सके। मुख्यवक्ता रूप में उपस्थित रवि गुप्ता ने भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओ को प्रतिभागियों के बीच रखा। साथ ही संस्था के संचालक सुनील वात्सायन ने बताया कि तंबाकू एक ऐसा अभिशाप है जो समाज मे एक बुरी आदत है जो कि समाज को खोखला कर रही है साथ ही सरकार के माध्यम से कुछ बिलों में संशोधन की जरूरत है जिसमे संसद में चुने हुए प्रतिनिधियों के माध्यम से इस मुहिम को जोड़ा जाएगा। इस वेबिनार में तीनो राज्यो से अलग अलग संस्थानों के विद्यार्थीयों ने भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले जरूरतमंद बच्चों को एक क्लिक से स्मार्ट फोन देने की योजना शुरू हो गई है। शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने सचिवालय से स्मार्ट फोन डोनेट करने की वेबसाइट का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम वर्चुअल तौर पर जुड़े। योजना शुरू होने से पहले ही उद्योगपतियों और बैंकर्स ने शिक्षा विभाग को 1150 स्मार्ट फोन दे दिए हैं। कोरोना संकट के चलते प्रदेश में मार्च 2020 से बंद चल रहे स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई करवाई जा रही है। कमजोर वर्ग के कई विद्यार्थियों की स्मार्ट फोन न होने के चलते पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसको देखते हुए समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना कार्यालय ने समाज की सहभागिता से ऐसे विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट फोन एकत्र करने को योजना शुरू की है। योजना को डिजिटल साथी-बच्चों का सहारा, फोन हमारा अभियान का नाम दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस अब राज्य की सीमा में दाखिल होने से पहले पर्यटकों के वाहनों की तलाशी लेगी। डीजीपी संजय कुंडू ने हाल के दिनों में पर्यटकों के हंगामा करने और लाठी व तलवारों से लोगों को नुकसान पहुंचाने के मामलों के सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों को पर्यटकों की तलाशी लेने के निर्देश जारी कर दिए हैं। नाकों पर तैनात अधिकारियों को कोई संदिग्ध लगता है तो उसकी तलाशी लिए बिना प्रदेश में प्रवेश न करने दें। इन घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। कुंडू ने बताया कि चेकिंग के लिए अतिरिक्त फोर्स भी जिलों को मुहैया कराई जा चुकी है।
विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया और उनकी एचएएस पत्नी के बीच झगड़े का मामला अब धर्मशाला कोर्ट में पहुंच गया है। कोर्ट ने विधायक नैहरिया को 31 अगस्त को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा है। इसके लिए उन्हें कोर्ट से नोटिस जारी किया गया है। गौरतलब है कि पिछले माह सुर्खियों में रहा विधायक और उनकी पत्नी के बीच चला विवाद अब न्यायालय पहुंच गया है। एचएएस पत्नी ने एसपी कांगड़ा के पास पति विधायक विशाल नैहरिया के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत कर सुरक्षा की मांग की थी। अब उन्होंने विधायक पति से कानूनी रूप से अलग होने की मांग करते हुए याचिका दायर की है।
स्वास्थ्य विभाग के एक प्रवक्ता ने वीरवार को कहा कि श्रेणी अ यानी 45 वर्ष से अधिक के आयु वर्ग के व्यक्तियों, भारत सरकार द्वारा नामित सभी स्वास्थ्य देखभाल कार्यकताओं, सभी फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं, और सभी प्राथमिकता समूहों को कोविशील्ड की प्रथम व द्वितीय खुराकें प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्ययोजना को 14 जुलाई, 2021 तक कार्यान्वित किया जाना था, लेकिन अब यह निर्णय लिया गया है कि टीकाकरण की यह कार्ययोजना 22 जुलाई, 2021 तक जारी रहेगी। इसके अनुसार श्रेणी-बी के लिए 22 जुलाई, 2021 तक कोई भी टीकाकरण सत्र आयोजिन नहीं किया जाएगा। उन्होंने श्रेणी-ए के लाभाथियों से टीकाकरण की प्रथम व द्वितीय खुराक लेने का आग्रह किया ताकि उन्हें कोविड-19 से सुरक्षा मिल सके। इसके अतिरिक्त, कोविड के प्रसार को रोकने के लिए लोगों को कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन सुनिश्चित करना चाहिए।
जिला में वीरवार को रैपिड एंटीजन टैस्ट में 10 लोग कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्रिहोत्री ने बताया कि वीरवार को जिला में रैपिड एंटीजन टैस्ट के लिए कुल 855 सैंपल लिए गए, जिनमें 10 पॉजीटिव पाए गए। डॉ. अग्रिहोत्री ने बताया कि हमीरपुर के निकटवर्ती गांव कडरियाणा में 46 वर्षीय और 52 वर्षीय दो महिलाओं, 13 वर्षीय लडक़ी, 19 वर्षीय युवक और 60 वर्षीय व्यक्ति सहित कुल 5 लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। उखली क्षेत्र के गांव गौटा में 34 वर्षीय व्यक्ति, दखयोड़ा क्षेत्र के गांव कल्लर में 42 वर्षीय महिला, मोहीं की 38 वर्षीय महिला, बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल के गांव पट्टा सौल का 10 वर्षीय लडक़ा और तहसील घुमारवीं के गांव कोठी की 13 वर्षीय लडक़ी भी संक्रमित पाई गई है।
वल्र्ड यूथ स्किल दिवस के उपलक्ष्य पर वीरवार को हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रैल में एक जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया। प्रधानाचार्य रणवीर परमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के विभिन्न कोर्सों की प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम की जिला समन्वयक मीनाक्षी ठाकुर और जिला प्रशिक्षण समन्वयक अश्वनी शर्मा ने प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन किया तथा उन्हें कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि युवाओं के कौशल विकास के लिए निगम ने अल्प अवधि के कई प्रशिक्षण कोर्स आरंभ किए हैं। इस तरह के कोर्स करने के बाद युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं तथा वे अपने कौशल के बल पर अपना व्यवसाय भी आरंभ करने में सक्षम होते हैं। मीनाक्षी ठाकुर ने युवाओं से इन प्रशिक्षण कोर्सों का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य ने कौशल विकास निगम के कोर्स पूरा करने वाली महिलाओं और युवतियों को सर्टिफिकेट भी प्रदान किए।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने डिजिटल साथी- बच्चों का सहारा, फोन हमारा अभियान के तहत वीरवार को शिमला में आयोजित कार्यक्रम को मण्डी जिला के बालीचौकी से वर्चुअल माध्यम द्वारा सम्बोधित करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के कारण लाॅकडाउन के दौरान नई तकनीक बच्चों के लिए वरदान साबित हुई है, क्योंकि वह इसके द्वारा ऑनलाइन माध्यम से अध्ययन जारी रख पाए। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2014 में आरम्भ किए गए डिजिटल इंडिया अभियान से महामारी के दौरान लाॅकडाउन में आम जन-जीवन को सुगम बनाए रखने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भी नई तकनीक का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया और राज्य में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठकें आयोजित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने राज्य के विभिन्न हिस्सों में वर्चुअल माध्यम से चार हजार करोड़ रुपये लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया और आधारशिलाएं रखीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने महामारी के दौरान छात्रों की सुविधा के लिए हर घर पाठशाला कार्यक्रम आरम्भ किया। इस कार्यक्रम के तहत 80 फीसदी विद्यार्थियों को कवर किया गया और अब सरकार का प्रयास है कि इस कार्यक्रम में शत-प्रतिशत विद्यार्थियों को सम्मिलित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में विद्यार्थियों को व्हाट्सऐप के माध्यम से वीडियो और वर्कशीट प्रदान करने के साथ-साथ विद्यार्थियों के माता-पिता तक ईपीटीएम के माध्यम से जुड़ने के प्रयास किये गये। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के अलावा शिक्षकों द्वारा लाइव कक्षाओं के साथ-साथ फोनकाॅल भी आरम्भ की गई हैं। जय राम ठाकुर ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा डिजिटल साथी-बच्चों का सहारा फोन हमारा अभियान समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन प्राप्त करने की सुविधा प्रदान करेगा, ताकि वह बिना किसी बाधा से अपना अध्ययन जारी रख सकें। मुख्यमंत्री ने औद्योगिक घरानों से जरूरतमंद विद्यार्थियों को उदारता के साथ स्मार्ट फोन प्रदान करने के लिए आगे आने का आग्रह किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने समग्र शिक्षा के डिजिटल साथी-बच्चों का सहारा, फोन हमारा अभियान का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि यह देश भर में ऐसा पहला अभियान है कि जिसके माध्यम से दानकत्र्ता जरूरतमद बच्चों के लिए मोबाइल प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि इस अभियान के लिए अब तक विभिन्न हितधारकों द्वारा 1100 से अधिक मोबाइल प्रदान किए जा चुके हैं।गोविन्द सिंह ठाकुर ने डिजिटल साथी पोर्टल का भी शुभारम्भ किया। इस पोर्टल के माध्यम से लोग और अन्य हितधारक मोबाइल प्रदान कर सकेंगे। इस अवसर पर उन्होंने इस अभियान के लिए स्वयं 100 मोबाइल फोन प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के कारण बच्चों की शिक्षा बाधित न हो इसलिए शिक्षकों ने हर घर पाठशाला कार्यक्रम में अपना बहुमूल्य योगदान दिया। शिक्षकों का संवाद बच्चों और अभिभावकों के साथ स्थापित करने के लिए ईपीटीएम जैसे कार्यक्रम संचालिए किए गए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह इस अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इस अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न सोशल, प्रिंट और इलैक्ट्राॅनिक मीडिया का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने इस अभियान से जुड़ने के लिए फिल्म अभिनेत्री यामी गौतम का भी आभार व्यक्त किया। समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना निदेशक वीरेन्द्र शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया। निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा पंकज ललित ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर सहित अन्य गणमान्यों का आभार व्यक्त किया। बैठक में विभिन्न बैंको के प्रतिनिधि, अध्यापक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन प्राइवेट आईटीआई दाडलाघाट द्वारा विश्व कौशल दिवस के उपलक्ष्य पर सोलर गांधी ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध व्यक्तित्व प्रोफेसर चेतन सिंह सोलंकी के सौर ऊर्जा पर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के एरिया प्रोग्राम मैनेजर संजय शर्मा के स्वागत भाषण से हुई।उसके पश्चात प्रोफेसर चेतन सिंह सोलंकी ने सभी को सौर ऊर्जा के प्रयोग पर बल देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि हम अनावश्यक उर्जा प्रयोग को कैसे कम कर सकते हैं और सौर ऊर्जा का प्रयोग जलवायु और प्रकृति को बचाने के लिए हमें अग्रसर होकर करना है। प्रोफेसर सोलंकी एनर्जी सोलर फाउंडेशन के संस्थापक हैं और सोलर मैन ऑफ इंडिया के नाम से भी जाने जाते हैं वे आईआईटी बॉम्बे में विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य कर चुके हैं। कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार विजेता प्रोफेसर सोलंकी एनर्जी स्वराज आंदोलन के अग्रणीय हैं और 2030 तक सौर बस में एनर्जी स्वराज यात्रा द्वारा अपना आंदोलन देश के विभिन्न कोनों तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को ऊर्जा के सही प्रयोग पर प्रतिज्ञा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने मुख्य अतिथि तथा अन्य प्रतिभागियों का धन्यवाद करके किया।
विधान सभा अध्यक्ष, विपिन सिंह परमार ने कहा कि उपमण्डल की कूहलें किसानों की जीवन रेखायें हैं। कूहलों के महत्व को बनायें रखने और कूहलों के अस्तित्व को बनायें रखने के लिये हम सभी की सामूहिक जिम्मेवारी है। यह बात विधान सभा अध्यक्ष ने भाटलु में दीवान चंद कूहल और केदारा में कृपाल चंद कूहल के संचालन की समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने जलशक्ति विभाग को वर्षभर कूहल को निर्वाधित रूप में चालने के आदेश जारी किये ताकि लोगों को वर्षभर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि वे स्वयं समय समय पर सभी कूहलों में पानी संचालन का मोके पर जाकर जायजा लेते रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह हर्ष की बात है कि जलशक्ति विभाग, ग्रामीण विकास विभाग और स्थानीय कूहल कमेटी की मेहनत से 30 वर्षों बाद पानी भाटलु डरोह तक पहुंचा है। उन्होंने दीवान चंद कूहल का भीखाशाह से भाटलु तक एचडीईपी पाइप डालने तथा रिपेयर कार्य के लिए 64 लाख रुपये जारी किये गए हैं। उन्होंने कहा कि बसकेहड़ और डरोह पंचायत में पेयजल के सुधार पर भी 60 लाख रुपये व्यय कर ट्यूबवेल और ओवरहेड टैंकों का निर्माण किया गया है। उन्होंने कूहल के रास्ते मे आने वाले बाजारों के सभी व्यापार मंडलों से भी कूहलों को साफ रखने और बाजारों के कचरे को डंपिंग साइटों में ही डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने दोनों कूहल कमेटियों से कूहलों के और बेहतर तरीके से संचालन के लिये सुझाव मांगे। उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग को कूहलों की साफ सफाई के लिए मनरेगा से करवाने के लिये लगातार कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने कूहल के पानी के वितरण के लिये लोगों से सुझाव मांगे और पूर्व की भांति पानी वितरण की व्यवस्था करने की अपील की। उन्होंने इस अवसर पर दीवान चंद और कृपाल चंद कूहल का भी निरीक्षण किया। बैठक में मण्डलाध्यक्ष देश राज शर्मा, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य तनु भारती, बसकेहड़ के प्रधान भूपिंदर राणा, भवारना की प्रधान बन्दना अवस्थी, भड़गवार की प्रधान सोनिया बंटा, डरोह के प्रधान पंकज चौधरी, बीडीओ भवारना संकल्प गौतम, बीडीओ सुलाह सिकंदर, अधिशाषी अभियंता अनिल पूरी और संजय ठाकुर, प्रधानाचार्य विजय शर्मा कूहल कमेटी के अध्यक्ष लेख राज राणा, कूहल कमेटी और व्यापार मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।
सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट कोरोना संकट में लगातार अपने सेवा कार्य चलाए हुए है। विभिन्न प्रकार के माध्यमो से सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट शिमला शहर में लोगों की सेवा कर रही है। इसी कड़ी में वीरवार को ट्रस्ट द्वारा कोरोना संकट में आर्थिक मंदी से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों की सहायता हेतु सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट ने मदद के हाथ आगे बढ़ाएं है। वीरवार को शोघी के थडी पंचायत, शिमला के ऑकलैंड, बंगाली कॉलोनी, संजौली में सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा 103 परिवारों को रासन किट सामग्री वितरित की गई। ट्रस्ट के सचिव डॉ सुरेंद्र शर्मा ने कहा की कोरोना महामारी की वजह से लोगों की आर्थिक स्थिति पर खासा असर पड़ा है। व्यवसाय बंद होने की वजह से बहुत से लोग आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे है। लेकिन इस संकट की घड़ी में सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट ऐसे सभी जरूरतमंद लोगों की सहायता करने हेतु तत्पर है। सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट ने इस कोरोना संकट में विभिन्न प्रकार के सेवा कार्य जैसे कि वस्त्र बैंक लगाकर जरूरतमंदों को वस्त्र वितरण करना, कोरोना मरीजों के लिए निशुल्क भोजन सेवा चलाना, कोरोना महामारी के दौरान रक्त की पूर्ति हेतु रक्तदान शिविरों का आयोजन करना, जरूरतमंद लोगों को राशन वितरण करना आदि कई प्रकार के सेवा कार्य करवाए गए हैं। सुनील उपाध्याय एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा शिमला शहर में योग शिविर भी चलाया जा रहा है। सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट का एकमात्र उद्देश्य मानव सेवा करना है। ट्रस्ट के सह सचिव डॉ नितिन व्यास ने कहा की आज शोघी के थडी पंचायत, ऑकलैंड, बंगाली कॉलोनी, संजौली में जरूरतमंद लोगों को कुल 103 परिवारों को रासन किट वितरित की गई है। ट्रस्ट ने सभी जरूरतमंदों को विश्वास भी दिलाया है की इस संकट की घड़ी में सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट उनके साथ खड़ा है। इसके अलावा भी यदि उनको किसी भी प्रकार की मूल सहायता की आवश्यकता पड़ी तो वे ट्रस्ट से संपर्क कर सकते हैं। हम से संपर्क करने के लिए दिए गए नंबरों पर कॉल करे (डॉ सुरेन्द्र शर्मा ( सचिव SUET) 9418473578, डॉ नितिन व्यास (सह सचिव SUET) 9418006194 , रिंकू कुमार : 9805349124).
सीमेंट फाउंडेशन दाड़लाघाट और नागरिक चिकित्सालय अर्की के संयुक्त तत्वावधान में कोरोना संक्रमण की तीसरी संभावित लहर को ध्यान में रखते हुए कोरोना संक्रमण से बचाव, स्वैच्छिक संगठनो की भागीदारी और व्यस्वस्था पर बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में 115 पल्स ऑक्सीमीटर और 50 सेनिटाइजर नागरिक चिकित्सालय अर्की को अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन दाड़लाघाट के सौजन्य से प्रदान किए गए। इकाई प्रमुख अम्बुजा सीमेंट लिमिटेड मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि कोरोना संक्रमण का खतरा अभी तक बना हुआ है जिसके लिए सामुदायिक सहभागिता की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। बैठक में कोरोना की रोकथाम और बचाव हेतु डॉ राधा शर्मा ने कहा कि पल्स ऑक्सीमीटर हमारे लिए अत्यंत ही उपयोगी है।अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन के सहयोग से अर्की क्षेत्र के सभी आशा कार्यकर्त्ता और ग्राम स्तर पर कार्यरत स्वस्थ्य कार्यकर्त्ता, ग्राम सखी के लिए उपयोगी है। कार्यक्रम प्रबंधक भूपेंद्र गाँधी ने कहा कि पल्स ऑक्सीमीटर का उपयोग ऑक्सीजन के स्तर को ग्राम स्तर पर ही पहचान करके समय रहते रोगी को अन्य अस्तपाल पर भेजा जा सकता है, ताकि किसी भी व्यक्ति को समय रहते बचाया जा सके। अजीत कुमार सिंह ने कहा कि अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन और नागरिक चिकित्सालय अर्की के साथ समन्वय करके कोरोना के संक्रमण से बचाव और अन्य चिकित्सा सहयोग की पहल के लिए सतत प्रत्नशील है। इस दौरान समुदाय के लोगों को समय रहते उनको प्राथमिक भेंट प्रदान की जिससे कोरोना से संक्रमित मरीजों के इलाज में सहायता उपयोगी हो सके। साथ ही सामाजिक दूरी के नियमों का पालन, मास्क का प्रयोग, सैनिटाइजर का उपयोग, टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच निरंतर करते हुए जन भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया। जबकि अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन, स्वास्थ्य विभाग अर्की के साथ निरंतर समन्वय करके योजना बनाकर समुदाय के लोगों को जागरूक कर रहा है जिससे लोग इस बीमारी के खतरे से सावधान रहें, सतर्क रहें अपने और आस पास एक बीमारी मुक्त वातावरण का निर्माण कर सकें।
हिमाचल प्रदेश 6वें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सती ने आज किन्नौर जिला के रिकांग पिओ में जिला परिषद, पंचायत समिति के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों व जिला परिषद तथा पंचायत समिति के सदस्यों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने इस दौरान सभी पंचायती राज जन-प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे ईमानदारी व मेहनत के साथ कार्य करें ताकि लोगों द्वारा सौंपी गई जिम्मेवारी का सही प्रकार से निर्वहन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि लोगों को आप सभी से बहुत अधिक अपेक्षाएं रहती हैं। ऐसे में हम सभी जन-प्रतिनिधियों का दायित्व बनता है कि हम लोगों विशेष कर मतदाताओं की आकांक्षाओं व अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि जहां हमें अपने-अपने क्षेत्रों के विकास कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए वहीं समाज में फैली विभिन्न कुरीतियों के उन्मूलन के लिए भी लोगों को जागरूक करना चाहिए तभी सही अर्थों में विकास सुनिश्चित हो सकेगा। उन्होंने जन-प्रतिनिधियों को अपनी समृद्ध संस्कृति व परम्पराओं का संरक्षण करने के साथ-साथ समाज में फैली बुराईयों जैसे छुआछूत, भ्रष्टाचार व बेटियों के साथ भेदभाव व अन्य कुरीतियों व बुराईयों के प्रति भी लोगों को जागरूक करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है परंतु हमें सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के लिए जारी धनराशि का सही प्रकार से सदुपयोग करना चाहिए जिससे सरकार द्वारा आरंभ की गई योजनाओं का अधिक से अधिक लोग लाभ उठा सकें। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि आज पूरा विश्व कोरोना महामारी से जूझ रहा है। ऐसे में हम सभी का दायित्व बनता है कि हम कोरोना महामारी को लेकर जारी प्रोटोकाॅल, नियमों व दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें तथा ओरों को भी इसके बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि तभी हम कोरोना संक्रमण को रोकने में सफल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में जिला परिषद तथा पंचायत समिति सदस्यों द्वारा दिए गए बहुमूल्य सूझावों व मांगों को वे प्रदेश सरकार के समक्ष रखेंगें ताकि इनका चरणबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित हो सके। सदस्यों ने पंचायती राज संस्थाओं के तकनीकी व अन्य पदों को शीघ्र भरने का आग्रह किया। सदस्यों ने इस दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में अनेक विकास योजनाओं को आरंभ करने का भी आग्रह किया। सदस्यों ने सभी जन-प्रतिनिधियों को समय-समय पर उचित प्रशिक्षण देने का मामला भी उठाया। उप-निदेशक योजना रविंद्र कुमार ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। उन्होंने इस दौरान सभी सदस्यों को वित्तीय साधन, अन्य आंकड़ों व सामान्य सूचना व सूझावों से संबंधित एक प्रश्नावली भी दी तथा आग्रह किया कि इसे भरकर आयोग को भेजें ताकि पंचायती राज संस्थाओं को उनके सूझावों के माध्यम से और सुदृढ़ किया जा सके। इससे पूर्व सहायक आयुक्त मुनीष कुमार शर्मा ने 6वें वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती व अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। बैठक में वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी, पूर्व विधायक तेजवंत सिंह नेगी, जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस, उपाध्यक्ष प्रिया नेगी, पंचायत समिति निचार की अध्यक्ष राजवंती, उपाध्यक्ष पद्म मणी, कल्पा पंचायत समिति के अध्यक्ष गंगा राम, उपाध्यक्ष छैः डोलमा, पूह पंचायत समिति की अध्यक्ष इंदू किरण, उपाध्यक्ष अनिता, उपमण्डलाधिकारी कल्पा स्वाती डोगरा, परियोजना अधिकारी, ग्रामीण विकास अभिकरण जयवंती ठाकुर, पी.ओ. आई.टी.डी.पी विद्याधर नेगी, व निचार, कल्पा तथा पूह विकास खण्ड के खण्ड विकास अधिकारियों सहित जिला परिषद व पंचायत समिति के सदस्य उपस्थित थे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला शिमला के प्रतिनिधिमंडल द्वारा आज उपायुक्त महोदय जिला शिमला को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें विद्यार्थी परिषद ने 100% क्षमता के साथ छात्रों को लाइब्रेरी खोलने के संदर्भ में ज्ञापन सौंपा गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन होने के नाते सदैव छात्र हितों के लिए अग्रसर रहता है। छात्रों की समस्याओं को पूरे देश एवं प्रदेश में प्राथमिक से उठाता आ रहा है। अभाविप शिमला महानगर सहमंत्री कमल ठाकुर ने कहा आजकल परीक्षाओं का दौर चल रहा है। स्टेट लाइब्रेरी में शिमला ही नहीं अपितु पूरे हिमाचल प्रदेश के छात्र पढ़ने आते हैं। ऐसे में इतने सारे विद्यार्थियों को 50% क्षमता से खुलने वाली लाइब्रेरी से उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है। दिन-प्रतिदिन परीक्षाएं नजदीक आती जा रही है, छात्र लाइब्रेरी जाना चाहते हैं परन्तु वहां पहुंचते ही उन्हें जगह नहीं मिलती है ऐसे में वे निराश होकर लौट आते हैं। कमल ठाकुर ने कहा कि शिक्षा जीवन का मूल मंत्र है। बिना शिक्षा जीवन व्यर्थ है। आज के समय में जब सरकार द्वारा होटल, बाजार खोले जा सकते हैं , बसों को 100% क्षमता के साथ चलाया जा सकता है, इसके अतिरिक्त इंटर-स्टेट बस सेवाएं भी शुरू की जा सकती है, तो पढ़ने वाले छात्रों के लिए पूरी क्षमता के साथ लाइब्रेरी क्यों नहीं खोली जा सकती है। छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त महोदय को जल्द से जल्द पूरी क्षमता के साथ लाइब्रेरी खोल देनी चाहिए ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से चल सके। विद्यार्थी परिषद मांग करती है कि जल्द से जल्द लाइब्रेरी को पूरी क्षमता के साथ खोला जाएं। उपायुक्त महोदय ने आश्वासन दिया है कि वे इस विषय में बात कर इसका उचित सामाधान करेंगे।
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने आज बताया कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश सरकार के कार्य नियम, 1971 में संशोधन के लिए नियम बनाकर आबकारी एवं कराधान विभाग को राज्य कर एवं उत्पाद विभाग नाम से अवस्थापित किया है। उन्होंने कहा कि इस नियम को हिमाचल प्रदेश सरकार के कार्य (आवंटन) नियम, 1971 (164वां संशोधन) नियम, 2021 कहा जाएगा।
वर्ष 2022 में भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जाने वाले पदम विभूषण, पदम भूषण एवं पदम श्री पुरस्कारों के लिए पात्र व्यक्तियों के नामों की सूची उनके पूर्ण व्यक्तित्व में कार्यों सहित जिला भाषा अधिकारी के माध्यम से प्रदेश के भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशालय को प्रेषित की जाएगी। यह जानकारी आज यहां जिला भाषा अधिकारी सोलन ममता वर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि देश के प्रतिष्ठित पदम विभूषण, पदम भूषण एवं पदम श्री पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य एवं विज्ञान जैसे विषयों एवं क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धि एवं सेवा के लिए प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सोलन जिला से इन क्षेत्रों से सम्बन्धित पात्रता रखने वाले व्यक्तियों के नाम निदेशालय को 800 शब्दों में विस्तृत जानकारी के साथ प्रेषित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला भाषा अधिकारी कार्यालय द्वारा यह जानकारी 31 जुलाई तक निदेशालय को प्रेषित की जाएगी। इस सम्बन्ध में पूर्ण जानकारी केन्द्रीय गृह मंत्रालय की वैबसाईट www.padmaawards.gov.in पर प्राप्त की जा सकती है।
केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के शिमला स्थित क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो द्वारा मोबाइल जागरुकता वैन और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को कोविड-19 के सम्बन्ध में जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन सोलन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। राधा स्वामी सत्संग ब्यास कोविड टीकाकरण केंद्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को कोविड टीकाकरण और कोविड से बचाव के लिए उचित व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक किया गया। क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो शिमला के कलाकारों ने लोकगीतों और नुक्कड़-नाटक के माध्यम से लोगों को कोविड टीकाकरण अभियान में भाग लेने, दो गज की दूरी अपनाने, मास्क पहनने और हाथों को बार-बार साबुन अथवा एल्कोहलयुक्त सेनिटाइजर से साफ करते रहने के लिए जागरूक किया। कलाकारों द्वारा लोगों को नाटक के माध्यम से ‘मास्क नहीं तो टोकेंगे, कोरोना को रोकेंगे’ का संदेश भी दिया गया। क्षेत्रीय लोकसंपर्क ब्यूरो शिमला के क्षेत्रीय प्रदर्शनी अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने कहा कि सोलन जिला प्रशासन और स्वास्थ विभाग के सहयोग से यह मोबाइल वैन 18 जुलाई तक जिला के दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर लोगों को कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण करवाने और कोविड से बचाव के लिए आवश्यक उपायों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को ऑडियो संदेशों, पंपलेट द्वारा कोविड-19 से बचाव के लिए विभिन्न नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस दौरान लोगों को कोरोना जागरूकता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश भी सुनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत 21 जून को देश में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए निःशुल्क कोरोना वैक्सीन की घोषणा की थी। साथ ही उन्होंने कोरोना से बचाव के लिए उचित व्यवहार जारी रखने के लिए लोगों से अपील भी की थी। इसी कड़ी में देश में निःशुल्क टीकाकरण अभियान और कोरोना से बचाव के लिए उचित व्यवहार अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सोलन जिला में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित बनाने और नियम पालन की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने आज अपने कार्यालय कक्ष में उच्च न्यायलय के आदेषों अनुसार अपने कार्यालय कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होनें बताया कि कोरोना संकटकाल के मध्यनजर एवं पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए मानक संचालन नियमों की अनुपालना करवाना आवश्यक है। उपायुक्त ने बताया कि उपमण्डलाधिकारियों, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार स्तर पर टास्क फोर्स एवं समितियां गठित की जा रही है, ताकि पर्यटक सीजन में होटलों एवं रेस्टोरेंटों में सुरक्षा के दृष्टिगत मानक संचालन प्रक्रिया का पालन संभव हो सके। आदित्य नेगी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने को कहा, ताकि जिला में मानक संचालन प्रक्रिया का पालन संभव हो सके। इस अवसर पर उपमण्डलाधिकारी शिमला ग्रामीण बाबू राम शर्मा, डीएसपी शिमला कमल वर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी जीडी काल्टा एवं अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित थे।
कोरोना के बाद अब प्रदेशवासियों को प्रकृति की मार झेलनी पड़ रही। बीते दिनों से हो रही बारिश से लोगों का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में भारी बारिश का कहर देखने को मिला है। सैंज में बादल फटने से बाढ़ आ गई। जिससे नदी और नाले उफान पर हैं। एक गांव में घरों में मलबा घुस गया है। कुल्लू जिले में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। नदी-नाले उफान पर हैं। वहीं, कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। फिलहाल सड़कें खोलने का काम शुरू हो गया है। जानकारी के अनुसार, कुल्लू जिला की सैंज में भारी बारिश से ग्राम पंचायत भलाण-2 के जौली नाले में बाढ़ आ गई। बताया जा रहा कि गांव बाल-बाल बच गया है। रात करीब 3 बजे बाढ़ आने से अफरा तफरी मच गई। गनीमत ये है कि घटना में जान-माल का नुकसान नहीं है। लोगों की खड़ी फसल को नुकसान हुआ है। गांव के पांच घरों में नाले का मलबा घुस गया है।
रोटरी भवन पालमपुर में एक पॉल हैरिस की प्रतिमा स्थापित की गई जिसका अनावरण रोटरी जिला 3090 के पूर्व गवर्नर भाग सिंह सिंह पन्नू ने किया। रोटरी क्लब के तत्काल अध्यक्ष डाक्टर आदर्श ने जानकारी देते हुए बताया कि पॉल हैरिस जो पेशे से एक वकील थे, दुनिया के सबसे पहले और अंतरराष्ट्रीय सर्विस क्लब रोटरी के संस्थापक थी। उनकी याद में रोटरी भवन में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई ताकि लोगो को समाज सेवा से जुड़ने का एक व्यापक संदेश प्राप्त हो सके। डाक्टर आदर्श ने बताया कि रोटरी दुनिया भर में एकजुट व्यवसायिक और पेशेवर लीडर्स का एक संगठन है जो अन्तर्राष्ट्र स्तरीय मानवीय सेवा प्रदान करता है तथा उच्च नैतिक मानकों को बढ़ावा देता है, और दुनिया में सद्भावना और शांति बनाने में मदद करता है। उन्होंने बताया कि रोटरी एक अंतर्राष्ट्रीय एनजीओ है, जो 1905 से दुनिया के गरीबों और जरूरतमंदों के लिए काम कर रही है, जिसके स्वयंसेवकों ने पिछले 30 वर्षों से दुनिया भर में अथक परिश्रम किया और अंततः पोलियो से होने वाली मौतों को विश्व मानचित्र से समाप्त कर दिया। दुनिया के 12 लाख रोटेरियन अपना समय, विशेषज्ञता और अपने संसाधन कई सामुदायिक और अंतर्राष्ट्रीय सेवा परियोजनाओं के लिए देते हैं। रोटरी इंटरनेशनल का रोटरी फाउंडेशन अंतरराष्ट्रीय शिक्षा और मानवीय कार्यक्रमों में सालाना लगभग 90 मिलियन अमेरिकी डॉलर देता है।
भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ हिमाचल प्रदेश की जिला कार्यकारिणी सोलन व कुनिहार इकाई की संयुक्त बैठक कुनिहार के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में जिला अध्यक्ष बाबूराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रदेश महासंघ के महामंत्री इंद्रपाल शर्मा व प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण चंद शर्मा रूप से उपस्थित रहे। बैठक में पेंशनरों की प्रमुख मांगों पर विस्तृत चर्चा हुई जिसमें हिमाचल सरकार से सातवें वेतन आयोग की रिपोर्ट को प्रदेश में शीघ्र लागू किए जाने की मांग की गई। कर्मचारी व पेंशनरों को जनवरी 2020 से देय महंगाई भत्ते की किस्सों को शीघ्र जारी किए जाने की मांग की गई। पेंशनरों के लिए 65, 70 व 75 वर्ष की आयु पर मिलने वाली विशेष राशि को मूल वेतन में जोड़े जाने की भी मांग की गई। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री इंद्रपाल शर्मा ने पेंशनरों की विभिन्न मांगों के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा सरकार से प्रमुख मांगों को शीघ्र स्वीकार किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने वाले चार उपचुनाव से पहले सरकार कर्मचारियों के लिए सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने और महंगाई भत्ते को जारी करने की घोषणा करें। बैठक में जिला के उपाध्यक्ष हेतराम ठाकुर व शंकर लाल ठाकुर, जिला महामंत्री श्यामानंद ,वित्त सचिव ओमप्रकाश गर्ग, कुनिहार इकाई के प्रधान ओम प्रकाश भारद्वाज,महामंत्री मनीराम, जिला उपाध्यक्ष मुनीलाल भारद्वाज नरेंद्र कालिया, कुलदीप ठाकुर, दत्त मेहता उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड परमाणु द्वारा श्रम मन्त्रालय भारत सरकार के सौजन्य से कुनिहार पँचायत के गांव नगर सिहाँवा के अनुसूचित जाति श्रमिकों के लिए दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें श्रमिको को सरकार की विभिन्न योजनाओं बारे में जानकारी दी गई। समापन अवसर पर एटीएम डॉ भावना ने श्रमिको को प्राकृतिक खेती के बारे में विस्तृत जानकारी दी, तो वंही कुनिहार पँचायत के पूर्व प्रधान व समाज सेवी राजेन्द्र ठाकुर ने इस कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचकर श्रमिकों को पंचायतीराज संबंधित योजनाओं व महिला सशक्तिकरण पर बल दिया व मनरेगा के माध्यम से व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ आत्म बल को ऊंचा रखने बारे प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर पंचायत प्रधान राकेश ठाकुर, उप प्रधान हरिदास व अन्य मौजूद रहे।
भारत की आज़ादी के लिए अनेक क्रांतिकारियों ने असंख्य कष्ट सहकर आम जनमानस में स्वतंत्रता की लौ जगाई। ऐसे क्रांतिकारियों में ‘पहाड़ी गाँधी’ और ‘बुलबुले-ए-पहाड़’ के नाम से प्रसिद्ध बाबा कांशीराम का योगदान अतुलनीय था। उन्होंने अपनी कविताओं और साहित्य के माध्यम से पहाड़ी जनमानस में आज़ादी की लौ जलाई। उन्होंने लगभग 500 कविताएँ और 8 कहानियां लिखी है। वह 11 बार जेल भी गए। उनके इसी योगदान के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरु ने बाबा कांशीराम को ‘पहाड़ी गाँधी और सरोजिनी नायडू ने ‘बुलबुले-ए-पहाड़’ कहकर संबोधित किया। यह शब्द प्रो ओम प्रकाश शर्मा, अध्यक्ष डॉ यशवंत सिंह परमार पीठ, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला ने शोध छात्र परिषद् हिमाचल प्रान्त एवं ठाकुर जगदेव चंद स्मृति शोध संस्थान नेरी हमीरपुर द्वारा बाबा कांशीराम की 139वीं जयंती के उपलक्ष्य पर आयोजित राष्ट्रीय वेब संगोष्ठी में कहे। इस दौरान ऋषि कुमार भारद्वाज कार्यक्रम संयोजक, शोध छात्र परिषद् के प्रान्त संयोजक लकेश चौहान, राम पाल, सतीश कुमार, डॉ ज्योति, जगबीर चन्देल, मनोज, नेमराज, बनिता, अंजना, भुवनेश्वर सिंह, सोम पाठक व अन्य अनेक विद्वान एवं शोधार्थी उपस्थित रहे ।
हिमाचल में15 जुलाई से 5000 करोड़ के सेब सीजन में तेजी आएगी। प्रदेश में सेब ढुलाई के लिए ट्रकों की आवाजाही को सुचारु करने के लिए दो नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दिए हैं। प्रदेश में पिछले साल ढाई करोड़ पेटी सेब का उत्पादन हुआ था। इस बार सीजन में करीब चार करोड़ पेटी सेब पैदावार होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। सेब सीजन में बागवानों को कार्टन की दिक्कत न हो और सेब ढुलाई के लिए ट्रकों की समस्या न रहे इसके लिए सरकार ने व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। लदानियों का पंजीकरण किया जा रहा है और क्रेटों की बिक्री पर भी अंतिम फैसला लिया जाना है ताकि बागवानों को कार्टन पर निर्भर न रहना पड़े।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में औट-बंजार-सैंज हाइवे-305 स्थित सोझा के जलोडा के पास पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रेवलर खाई में गिरने से बच गई। हादसा बुधवार रात को हुआ है, जब गुड़गांव के दस पर्यटक जलोड़ी दर्रा से बंजार की तरफ आ रहे थे। इस दौरान जब वह जिभी वापिस आ रहे थे तो गाड़ी की ब्रेक फेल हो गई। गाड़ी सड़क से नीचे लुढ़कने से बच गई और सभी पर्यटक सुरक्षित हैं। हादसे में चालक घायल हुआ है जो बंजार अस्पताल में भर्ती है।
कोरोना संक्रमण के चलते हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर इस बार सामान्य प्रवेश परीक्षा नहीं करवाएगा। जेईई और 12वीं कक्षा के क्वालीफाइंग अंकों की मेरिट के आधार पर ही संबद्धता प्राप्त महाविद्यालयों में दाखिले होंगे। इससे पूर्व विवि में दाखिले के लिए सामान्य प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर होते रहे हैं। पिछले सवा साल से प्रदेश में कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए विवि प्रशासन ने छात्र हित में प्रवेश परीक्षा का निर्णय टाल दिया है। तकनीकी विवि की वेबसाइट पर ऑनलाइन फार्म भरने के बारे में जानकारी दी गई है। डारेक्ट एंट्री वाले विद्यार्थियों का दाखिला प्रवेश/पात्रता परीक्षा की मेरिट सूची के आधार पर होगा, जबकि लेटरल एंट्री वाले विद्यार्थियों का दाखिला डिप्लोमा की मेरिट/पात्रता परीक्षा की मेरिट के आधार होगा। प्रो. चंदेल ने कहा कि कोविड-19 के चलते इस बार सामान्य प्रवेश परीक्षा का फिलहाल आयोजन नहीं होगा। जेईई और बारहवीं कक्षा की मेरिट के आधार पर ही बीटेक, फार्मेसी, एमबीए व एमसीए में दाखिले होंगे। विवि ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी है। पात्र विद्यार्थी 20 जुलाई तक ऑनलाइन फार्म भर सकते हैं। अभी विवि ने ऑनलाइन फार्म भरने का ही शेड्यूल जारी किया है। काउंसलिंग का शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा। विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो. कुलभूषण चंदेल ने कहा कि बीटेक लेटरल और डायरेक्ट एंट्री, बी-फार्मेसी एलोपैथी लेटरल और डायरेक्ट एंट्री, बी-फार्मेसी (आयुर्वेद), बी-आर्किटेक्चर, बीबीए, बीसीए, बीएससी (एचएमसीटी/बीएचएमसीटी), एमबीए, एमबीए (टीएंडएचएम), एमसीए, एमटेक, एम फार्मेसी, एमएससी (भौतिक विज्ञान), एमएससी (पर्यावरण विज्ञान) पीजी डिप्लोमा इन योग (दोनों सत्र) विषयों में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थी ऑनलाइन फार्म भर सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर पूर्व रामपुर से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का अस्थि कलश लेकर गुरुवार को शिमला पहुंचे। उनके साथ जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा भी थे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस के सभी 72 ब्लॉक अध्यक्षों को यह अस्थि कलश सौंपे। 16 जुलाई को ब्लॉक अध्यक्ष अस्थि कलशों को स्थानीय लोगों के दर्शन और श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद 17 जुलाई को नदियों में इन्हें प्रवाहित करेंगे। राठौर ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में सुबह 11 बजे ब्लॉक अध्यक्षों को अस्थि कलश सौंपे। इससे पूर्व 10.30 बजे प्रार्थना सभा हुई। इसमें नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित विधायक, पूर्व विधायक, पार्टी पदाधिकारी, अग्रणी संगठनों के प्रमुख सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, इंटक, एनएसयूआई के अतिरिक्त सभी विभागों के प्रमुख और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कोरोना वायरस की दूसरी लहर से राहत मिलने के बाद हिमाचल प्रदेश में पाबंदियों में छूट दी गई है। इस दौरान यहां सैलानी भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। इस बीच पर्यटकों द्वारा बीच सड़क पर तलवार लहराने का वीडियो सामने आया है। मनाली में देर रात के समय पर्यटकों ने आवेरटेक कर गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी कर दी, जिससे सड़क पर जाम लग गया। अन्य लोगों ने जब गाड़ी हटाने को कहा तो गाड़ी में सवार पर्यटकों ने तलवारें निकाल कर लोगों पर हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि चार पर्यटकों को तलवारों से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। आरोपियों पर आईपीसी और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने बीए, बीएससी व बीकॉम के प्रथम और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को प्रमोट करने का फार्मूला तैयार करने पर कार्य शुरू कर दिया है। इसके लिए गठित विशेष कमेटी की जल्द बैठक होगी। प्रदेश में करीब 96 हजार विद्यार्थियों को प्रमोट और उनका परिणाम तैयार करने के लिए बनाए जा रहे फार्मूला के आधार पर ही अंक दिए जाने हैं। इसमें कॉलेजों से मिली इंटरनल असेसमेंट अहम होगी। विवि दोनों कक्षाओं की परीक्षाओं की तैयारी कर चुका था, सभी विद्यार्थियों को कॉलेजों से इंटरनल असेसमेंट आने पर ऑनलाइन रोलनंबर जनरेट हुए थे। इसलिए असेसमेंट के अंक उपलब्ध होने पर विवि परिणाम कम समय में तैयार कर घोषित कर सकेगा।। पिछले साल भी स्नातक डिग्री कोर्स की दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं नहीं हुई हैं। इसलिए द्वितीय वर्ष से तृतीय वर्ष के लिए प्रमोट होने वाले विद्यार्थियों के परिणाम तैयार करने के फार्मूले में आंशिक बदलाव होगा। 2020 के सत्र में भी विद्यार्थी प्रमोट किए गए थे। उस समय द्वितीय वर्ष के छात्रों के प्रथम वर्ष की परीक्षा का परिणाम विवि के पास था। परीक्षा के हर विषय में 50 अंक और इंटरनल असेसमेंट के आधार पर परिणाम तैयार किया गया था। इस बार इसमें कुछ बदलाव होगा।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बलद्वाड़ा के प्लासी में ट्रक और कार की टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। यह हादसा गुरुवार सुबह बलद्वाड़ा बाजार से मात्र दो किलामीटर दूर प्लासी पुल के पास हुआ। घुमारवीं-सरकाघाट नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे में खुडला पंचायत निवासी 60 वर्षीय प्रेम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खुडला के ही अन्य पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं, जिन्हें पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक ट्रक जाहू से प्लासी की ओर आ रहा था और कार घुमारवीं की तरफ से जा रही थी जिसमें छह लोग सवार थे। सभी लोग खुडला पंचायत के गांव खुडला के रहने वाले हैं। घायलों में सुमित कुमार, सुषमा देवी, अभिषेक और दो बच्चे प्रियांशु और रूजल शामिल हैं। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी हटली उधम सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन की जा रही है। उधर, प्रशासन की तरफ से नायब तहसीलदार बाल कृष्ण ने मौके पर सभी मृतक सहित घायलों के परिजनों को 40 हजार रुपये की राशि प्रदान की है।
युवा मोर्चा अध्यक्ष जसवां प्रागपुर राकेश कुमार (रिक्की ठाकुर) की अध्यक्षता में युवा मोर्चा के पदाधिकारियों की बैठक ग्रीन वैल्ली रिसोर्ट गाँव मोईन में आयोजित की गई। जिसमें नव नियुक्त देहरा संगठनात्मक जिला के अध्यक्ष मुकेश सोनी और उपाध्यक्ष सुमित वालिया बतौर मुख्यातिथि रूप से उपस्थित रहे l इस बैठक में आगामी 1 बूथ 20 यूथ पर चर्चा हुई औऱ अन्य मुद्दों पर भी विचार विमर्श किया l
आपात परिस्थितियों में फंसे आम लोगों को अस्पताल तक पहुंचाकर उनकी जिंदगियां बचाने वाली स्वास्थ्य विभाग की जीवीके ईएमआरआई -108 एंबुलेंस सेवा कोरोना संकट में भी कई लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। लगभग डेढ़ वर्ष से जारी कोरोना संकट के दौरान इस निशुल्क एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों ने हजारों कोरोना संक्रमित मरीजों को अस्पतालों या कोविड केयर सेंटरों तक पहुंचाया। इसके अलावा सैंपलिंग और टैस्टिंग में भी यह एंबुलेंस सेवा तथा इसके कर्मचारी लगातार सराहनीय सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। वैश्विक महामारी के दौर में जहां पूरे विश्व में भय का माहौल बना हुआ था, वहीं स्वास्थ्य विभाग की जीवीके ईएमआरआई-108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों ने अपने परिवारों की चिंता किए बगैर निस्वार्थ भाव से प्रदेशवासियों के लिए दिन-रात अपनी सेवाएं दीं। प्रदेश भर में अभी तक लगभग 42,071 कोरोना संक्रमित मरीजों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से अस्पतालों और कोविड केयर सेंटरों तक पहुंचाया जा चुका है। हमीरपुर जिला में भी 2893 कोरोना संक्रमित लोगों को अस्पताल या कोविड केयर सेंटर तक पहुंचाने में इसी एंबुलेंस सेवा ने मदद की। गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग की जीवीके ईएमआरआई 102 जननी एक्सप्रेस एंबुलेंस सेवा भी कोरोनाकाल में सराहनीय सेवाएं प्रदान कर रही हैं। 102 एंबुलेंस सेवा की गाडिय़ों के माध्यम से प्रदेश भर में कोरोना टैस्ट के लिए लगभग 2,22,759 सैंपल एकत्रित किए जा चुके हैं। हमीरपुर जिला में भी इन गाडिय़ों ने 31,401 सैंपल लिए हैं। कोरोना संक्रमण से उबरने के बाद मरीजों को घर छोडऩे में 102 एंबुलेंस सेवा ने सराहनीय कार्य किया है। प्रदेश भर में 5087 मरीजों को इन गाडिय़ों के माध्यम से वापस घर पहुंचाया गया। हमीरपुर के 481 संक्रमित मरीजों को भी ठीक होने के बाद 102 एंबुलेंस गाडिय़ों ने घर पहुंचाने में सहायता की। जीवीके ईएमआरआई के प्रदेश प्रमुख मेहुल सुकुमारन ने बताया कि कोरोनाकाल में लगातार सेवाएं प्रदान करने के बावजूद एंबुलेंस सेवा का कोई भी कर्मचारी हताहत नहीं हुआ है। एंबुलेंस सेवा के अधिकारी-कर्मचारी प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के साथ बेहतरीन तालमेल एवं समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों को किया सम्मानित :- स्वास्थ्य विभाग की जीवीके ईएमआरआई-108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारी हमीरपुर जिला में भी लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें से उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों को उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने विशेष रूप से सम्मानित किया। 108 एंबुलेंस सेवा में सर्वश्रेष्ठ ईएमटी का पुरस्कार पूजा कुमारी को और सर्वश्रेष्ट पायलट का पुरस्कार संजीव कुमार को दिया गया। 102 जननी एक्सपे्रस एंबुलेंस सेवा में सुखदेव सिंह को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर दोनों एंबुलेंस सेवाओं के कर्मचारियों की सराहना करते हुए उपायुक्त ने कहा कि कोरोनाकाल में इन्होंने अपने परिवार की चिंता किए बगैर निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं प्रदान करके एक मिसाल कायम की है। कार्यक्रम के दौरान एडीएम जितेंद्र सांजटा, जीवीके ईएमआरआई के प्रदेश प्रमुख मेहुल सुकुमारन, वित्त प्रमुख विजय पंढेर, जिला प्रभारी पंकज शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर में लाईनों की आवश्यक मरम्मत के चलते 16 जुलाई को 400 केवीए हीरानगर-2 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में सुबह 9 से सायं 5 बजे तक बिजली की आपूर्ति बंद रहेगी। सहायक अभियंता अश्वनी पुरी ने बताया कि अगर 16 जुलाई को मौसम खराब रहता है तो मरम्मत कार्य अगले दिन यानि 17 जुलाई को किया जाएगा। सहायक अभियंता ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
कुनिहार सिविल अस्पताल में सफाई व्यवस्था ना होने के चलते व लोगो को हो रही परेशानी से अब निजात दिलाने के लिए हाटकोट पंचायत आगे आई है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत हाटकोट के प्रधान जगदीश अत्रि व पंचायत सदस्यों व महिला मण्डल हाटकोट ने इसकी जिम्मेदारी ली है कि जब तक सरकार हॉस्पिटल में सफाई कर्मचारी की नियुक्ति नही करती तब तक पूरे अस्पताल को महीने में 2 से तीन बार पूरी तरह खुद साफ करेंगे। गौर रहे कि कुनिहार सिविल अस्पताल में सेंकडो लोग प्रीतिदिन अपना ईलाज करवाने आते हैं लेकिन यंहा पर जगह-जगह गंदगी के ढेर सफाई व्यवस्था की पोल खोलते हैं। ग्राम पंचायत हाटकोट द्वारा गत दिनों स्वास्थ्य मंत्री डॉ राजीव सैजल के कुनिहार दौरे के दौरान अस्पताल की कमियों को उठाया गया था लेकिन अभी तक इस बारे में कोई भी कार्यवाही अमल में नही लाई गई । अब सफाई अभियान की जिमेवारी हाटकोट पंचायत ने ली है। ग्राम पंचायत के प्रधान जगदीश अत्रि ने बताया कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था सही ना होने के चलते अस्पताल में पंचायत व महिला मण्डल के सदस्यों व पंचायत के सफाई कर्मचारियों द्वारा अस्पताल की साफ सफाई की गई। उन्होंने सरकार से मांग की है कि अस्पताल में सफाई कर्मचारी की नियुक्ति जल्द की जाए ताकि लोगो को परेशानी ना हो।


















































