भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी को विधानसभा उपसचेतक बनाए जाने पर जिला भाजपा ने बधाई दी है। हमीरपुर से जारी एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में भाजपा जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा, जिला महामंत्री हरीश शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष तेज प्रकाश चोपड़ा, जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा सहित राजकुमारी ठाकुर, बीना शर्मा, बीना कपिल, अजय रिंटू शर्मा, जग सिंह ठाकुर, आदर्श कांत राजकुमार, वर्मा सुभाष बन्याल, पुष्पा ठाकुर, ऊषा बिड़ला, पवना धीमान, प्यारे लाल शर्मा, देशराज शर्मा, देवराज शर्मा, कुलदीप ठाकुर, विरेंद्र ठाकुर, पवन शर्मा, अनिल शर्मा, गजन राम शर्मा, अनिल ठाकुर, विजय सिंह, अतुल, रघुवीर सिंह ठाकुर इत्यादि तमाम पदाधिकारियों ने कमलेश कुमारी को बधाई देते हुए कहा है कि संगठन और जनहित के लिए समर्पित कमलेश कुमारी ने सदैव जनकल्याण के लिए कार्य करते हुए स्थान हासिल किया है।
शनिवार सांय कुनिहार के समीप अर्की मार्ग पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत यह रही कि कार में सवार पांचों लोग सुरक्षित थे। जानकारी के अनुसार शनिवार करीब 4:35 बजे के आस पास कुमाहरहट्टी से एक कार किसी शादी समाहरोह से आ रही थी व उन्हें घुमारवीं जाना था। जैसे ही कार कुनिहार पुराना बस स्टैंड से अर्की मार्ग पर करीब 200 मिटर आगे गई कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मिटर गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी के खाई में गिरने की सुचना स्थानीय लोगो ने स्थानीय पुलिस को दी। घायलों में चालक सुरेश कुमार सपुत्र भाग सिंह गांव स्नोर बिलासपुर, प्रीतम सिंह सपुत्र कांसी राम मलोट बिलासपुर, गंगा राम सपूत स्व नाथू राम गांव पलथी बिलासपुर, श्याम लाल सपुत्र हरिराम गांव ननावा बिलासपुर, सुरेश कुमार सपुत्र पुरषोत्तम गाँव ननावा बिलासपुर को पुलिस द्वारा स्थानीय चिकित्सालय कुनिहार में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया। डीएसपी सोलन रमेश शर्मा ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा आगामी कार्यवाही जारी है।
विधानसभा ज्वालामुखी अंतर्गत पड़ती ग्राम पंचायत सकडयालु में शनिवार को ज्वालामुखी के विधायक एवम योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला ने जनता की समस्याओं को सुना साथ ही अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। इस दौरान विधायक ज्वालामुखी रमेश धवाला ने कहा कि वह विभिन्न पंचायतों में जाकर लोगो की समस्याएं सुन रहे हैं, साथ ही मौके पर उनका निपटारा भी किया जा रहा है। वहीं शेष जनसमस्याओं के समाधान हेतु स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए। धवाला ने कहा कि जन शिकायतों का समय पर समाधान हो इसी ध्येय के साथ प्रदेश सरकार कार्य कर रही है।
हिमाचल प्रदेश राज्य कर एवं आबकारी विभाग द्वारा आज जिला हमीरपुर के हमीर भवन में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य सचिव आबकारी एवं कराधान जेसी शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान मध्य क्षेत्र की समीक्षा की गई। बैठक में मध्य क्षेत्र में पड़ने वाले सभी जिलों व उड़न दस्तों तथा मध्य क्षेत्र के तहत विभिन्न क्रिया कलापों के अलग-अलग मानदंडों के आधार पर विस्तृत चर्चा की गई। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सरकारी राजस्व को बढ़ाने के लिए फील्ड स्टाफ के कार्यों की निरंतर निगरानी पर बल दिया। बैठक में वर्ष 2021-22 के लिए विभिन्न प्राप्ति शीर्षों के अंतर्गत निर्धारित राजस्व लक्ष्य को प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त बैठक में ई.वे. बिल चैकिंग करने, जीएसटी विवरणीय न बनने वाले कर दाताओं के विरूद्ध उचित कार्यवाही करने, जीएसटी पंजीकरण की भौतिक सत्यापन करने, डी.एल.आई.-6 के लिए निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने तथा वैट/सी.एस.टी. अधिनियम के अंतर्गत लंबित मामलों का निपटान करने बारे निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त आबकारी अधिनियम के अंतर्गत भी नियमित रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी यूनस, अतिरिक्त राज्य कर एवं आबकारी (प्रशासनिक), अतिरिक्त राज्य कर एवं आबकारी (आईटी), अतिरिक्त राज्य कर एवं आबकारी (एलाईड टैक्स), अतिरिक्त राज्य कर एवं आबकारी (आबकारी), संयुक्त राज्य कर एवं आबकारी (मध्य क्षेत्र), संयुक्त राज्य कर एवं आबकारी उड़न दस्ता, मध्य क्षेत्र, उप आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी, हमीरपुर, मण्डी, कुल्लू, बिलासपुर के अतिरिक्त उपरोक्त जिलों के विभिन्न वृत्तों में तैनात सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी उपस्थित थे।
गेयटी थियेटर में अंशुमन कुठियाला द्वारा लिखित कविताओं का विमोचन एवं उन कविताओं पर आधारित चित्रकला प्रदर्शनी का उद्घाटन वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार प्रकाश चंद लोहमी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अंशुमन की कविताओं में सामाजिक समरसता व सजगता का प्रवाह देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि इनके द्वारा लिखी गई कविताओं में परिपक्वता का भाव विद्यमान है। उन्होंने कहा कि कविताओं में निहित सामाजिक सारोकार को कलाकारों द्वारा तुलिका के माध्यम से विशिष्ट रूप से उकेरा गया है, जिससे यह मिलन अद्भुत और उत्कृष्टता का परिचय देता है। इस अवसर पर अंशुमन कुठियाला ने सभी का स्वागत करते हुए बताया कि कविताओं पर आधारित चित्रकला के परस्पर मेल का विचार उन्हें गेयटी थियेटर के टेवरन हाॅल में चित्रकला प्रदर्शन के दौरान पनपा, जिसे आज मूर्त रूप दिया गया है। उन्होंने चित्रकला के रूप में कविताओं को केनवस पर उकेरने के लिए बैंगलोर की कलाकार अनुश्रीदास और शिमला की नितिका दोल्टा का आभार व्यक्त किया। नितिका दोल्टा ने इस अनुभव को अत्यंत श्रेष्ठ बताया। इस अवसर पर कला, साहित्य, पत्रकार व बौद्धिक वर्ग के अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए और शब्द और तुलिका के परस्पर मेल का अवलोकन व आनंद प्राप्त किया।
उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक से आज कनाड़ा के काउंसल जरनल मीयां यैन ने भेंट की। इस दौरान मीयां यैन ने उपायुक्त के साथ कनाड़ा द्वारा हथकरघा व हस्तशिल्प में किस तरह सहायता की जा सकती है पर चर्चा की। उपायुक्त ने उन्हें बताया कि जिला अपने हस्तशिप व हथकरघा उत्पादों के लिए देशभर में जाना जाता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सोनम नेगी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा किन्नौर जिला में कोविड टीकाकरण का कार्यक्रम जारी किया है। जिसके तहत 26 जुलाई से 31 जुलाई तक जिले के विभिन्न स्थानों पर पात्र व्यक्तियों को कोविड का टीका लगाया जाएगा। डाॅ.सोनम नेगी ने बताया कि 26 जुलाई को स्वास्थय खंड सांगला के तहत क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ, निचार स्वास्थय खंड के तहत स्वास्थय उपकेन्द्र पानवी में टीकाकरण किया जाएगा। 27 जुलाई,2021 को स्वास्थय खंड सांगला के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सांगला, निचार स्वास्थय खंड के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निचार, व भावानगर तथा पूह स्वास्थय खंड के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पूह में कोविड का टीका लगाया जाएगा। उन्होनें बताया कि 28 जुलाई को स्वास्थय खंड सांगला के तहत क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ, स्वास्थय खंड पूह के तहत प्राथमिक स्वास्थय केन्द्र रिब्बा। 29 जुलाई को स्वास्थय खंड सांगला के तहत प्राथमिक स्वास्थय केन्द्र सापनी, स्वास्थय खंड निचार के तहत स्वास्थय उपकेन्द्र तराण्डा तथा 30 जुलाई को स्वास्थय खंड सांगला के तहत क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ तथा स्वास्थय खंड निचार के तहत प्राथमिक स्वास्थय केन्द्र टापरी में कोविड का टीका लगाया जाएगा। उन्होनें कहा कि ऐसे सभी व्यक्ति जिनकों कोविड का प्रथम टीका लगाए 84 दिन पूर्ण हो चुके है वे सभी व्यक्ति कोविड का दूसरा टीका लगाने के लिए पात्र है।
दाड़लाघाट उपमंडल के अंतर्गत एनएच-205 छामला में एमबीआई द्वारा गाड़ियों की पासिंग का स्थान आम आदमी के लिए मुसीबत बन गया है। इस स्थान पर एक माह में लगभग 3 बार गाड़ियों की पासिंग की जाती है। अपनी गाड़ी की पासिंग करवाने के लिए चालक एक दिन पहले से ही सड़क के दोनों ओर अपनी गाड़ियां लगा देते हैं, जिस कारण एक दिन पहले से ही जाम की स्थिति शुरू हो जाती है और पासिंग वाले दिन तो स्थिति बेकाबू हो जाती है। सड़क पर चलने वाले रुटीन वाहनों को घंटों तक जाम खुलने का इंतजार करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि इस स्थान पर अंबुजा सीमेंट उद्योग के ट्राले भी मुख्य मार्ग पर आते हैं, जिनके कारण पहले ही यहां जाम की स्थिति बनी रहती है और पासिंग वाले दिन तो आम आदमी को यहां से गुजरना और मुश्किल हो जाता है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि पासिंग के लिए इस साथ को बदलकर किसी ऐसी जगह स्थापित करें जहाँ वहां खड़े करने के लिए पर्याप्त जगह हो। वंही, इस बारे में जब डीएसपी दाड़लाघाट प्रताप सिंह ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पासिंग के बारे में कोई सूचना नही थी। लोगों को जल्द इस समस्या से निजात दिलवाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
जिला दण्डाधिकारी सोलन कृतिका कुल्हारी ने प्रदेश के मुख्य सचिव एवं राज्य कार्यकारी समिति के अध्यक्ष द्वारा जारी आदेशों की अनुपालना में जिला में छूट एवं प्रतिबन्ध के सम्बन्ध में आवश्यक आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार सोलन जिला के सभी विद्यालय जिनमें आवासीय एवं आंशिक रूप से आवासीय विद्यालय सम्मिलत हैं, 2 अगस्त से 10वीं, 11वीं तथा 12वीं कक्षाओं के लिए खोले जा सकते हैं। सभी विद्यालयों को शिक्षा विभाग द्वारा जारी मानक परिचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए कोविड-19 से बचाव के लिए जारी नियमों की अनुपालना सुनिश्चित बनानी होगी। कक्षा 5वीं तथा 8वीं के छात्रों को 2 अगस्तसे संशय निवारण के लिए विद्यालय आने की अनुमति होगी। आदेशों के अनुसार विश्वविद्यालय के शोधार्थी सम्बन्धित विश्वविद्यालय द्वारा अधिसूचित तिथियों के अनुसार विश्विद्यालय आ सकेंगे। उन्हें शिक्षा विभाग द्वारा जारी मानक परिचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए कोविड-19 से बचाव के लिए जारी नियमों की अनुपालना सुनिश्चित बनानी होगी। ऑफलाइन कोचिंग, ट्यूशन तथा प्रशिक्षण संस्थानों को 26 जुलाई से कार्य करने की अनुमति होगी। इन सभी को मानक परिचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए कोविड-19 से बचाव के लिए जारी नियमों की अनुपालना सुनिश्चित बनानी होगी। प्रशिक्षण संस्थानों में केवल उन्हीं उम्मीदवारों को प्रशिक्षण में भाग लेने की अनुमति होगी जिनका कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण हुआ है। टीकाकरण न होने की स्थिति में उम्मीदवार को रिपोर्टिंग समय से 72 घण्टे पूर्व तक प्राप्त नेगेटिव आरटीपीसीआर रिपोर्ट साथ लानी अनिवार्य है। इन आदेशों की अवहेलना पर भारतीय दण्ड संहिता की धारा-188, आपदा प्रबन्धन अधिनियम, 2005 की धारा 51 से 60, हिमाचल प्रदेश पुलिस नियम, 2007 सहित अन्य विधि सम्मत प्रावधानों के अन्तर्गत उचित कार्यवाही की जाएगी। यह आदेश 26 जुलाई तथा 2 अगस्त से प्रभावी होंगे। सभी को सम्बन्धित विभागों द्वारा जारी मानक परिचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए कोविड-19 से बचाव के लिए जारी नियमों की अनुपालना सुनिश्चित बनानी होगी।
उपायुक्त लाहौल- स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' व्यवस्था पूरी तरह से नागरिक केंद्रित है। इस व्यवस्था के लागू होने से लोगों को अब अपने विभिन्न तरह के कार्य करवाने या अनुमति लेने के लिए कार्यालयों में नहीं जाना पड़ता है। उपायुक्त आज ईज ऑफ डूइंग बिजनेस व्यवस्था के लिए नोडल विभाग के तौर पर कार्य कर रहे उद्योग विभाग के तत्वावधान में 'ईज ऑफ़ डूइंग बिज़नेस के तहत हुए सुधारों' पर आधारित एक दिवसीय कार्यशाला के आयोजन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी सुगम हिमाचल- उन्नत हिमाचल के मूल मंत्र के साथ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस व्यवस्था को शुरू किया है। राज्य सरकार ने इस व्यवस्था के तहत विभिन्न विभागों में कई तरह की पहल शुरू की हैं। उद्योग विभाग में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम में सेल्फ सर्टिफिकेशन की शुरुआत की जा चुकी है। इसके अलावा सात विभिन्न अधिनियमों में भी स्वतः पंजीकरण की व्यवस्था मौजूद है। उपायुक्त ने ये भी बताया कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की ऑल इंडिया रैंकिंग में हिमाचल प्रदेश वर्ष 2015 में 17वें स्थान पर था। लेकिन 2019 में हिमाचल प्रदेश की यह रैंकिंग अब 7वें स्थान पर आ चुकी है। इससे जाहिर होता है कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की इस व्यवस्था से लोगों को लाभ मिल रहा है और विभाग भी इस दिशा में तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश निवेशक मित्र राज्य के तौर पर भी उभर रहा है। इससे पूर्व उद्योग विभाग के उप निदेशक संजय शर्मा ने कार्यशाला में भाग लेने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों और उद्यमियों को ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के बारे में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ईज ऑफ़ डूइंग बिज़नेस में केवल मात्र उद्योग विभाग के कार्यकलापों को ही शामिल नहीं किया गया है बल्कि विभागों की विभिन्न सेवाओं को भी इस दायरे में लाया गया है। इस मौके पर महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र नितिन शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विनोद धीमान, जिला कृषि अधिकारी डॉ चौधरी राम, पुलिस उपअधीक्षक हेमंत ठाकुर समेत अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
लाहौल- स्पीति के उपायुक्त नीरज कुमार ने कहा कि हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान पालमपुर की भूमिका लाहौल-स्पीति के संदर्भ में भी अहम साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि हिमालय जैव संपदा प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा विकसित 100 से ज्यादा विभिन्न तकनीकों और सेवाओं की उपलब्धता और हस्तांतरण से ये साबित होता है कि संस्थान अपने कार्यकलापों को लेकर तत्पर और गंभीर प्रयास कर रहा है। जिसके कई परिणाम भी सामने हैं। उपायुक्त ने कहा कि लाहौल- स्पीति में उच्च गुणवत्ता के हींग के उत्पादन को लेकर जो पहल हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा की जा रही है उसके आने वाले समय में बहुत ही सकारात्मक नतीजे सामने आएंगे। हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान के वैज्ञानिक डॉ अमित चावला ने उपायुक्त को बताया कि संस्थान द्वारा एथ्निक फूड के तौर पर कांगड़ी धाम के अलावा हर्बल साबुन, हाई एनर्जी चॉकलेट बार और शिटाके मशरूम के उत्पादन की तकनीक भी विकसित की गई है। टिन पैकेजिंग में कांगड़ी धाम, हर्बल साबुन और चॉकलेट बार के उत्पाद उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान ने जो तकनीक विकसित की है उसके माध्यम से 3 महीने के भीतर शिटाके मशरूम तैयार किया जा सकेगा। इस मौके पर उनके साथ हिमालय जलसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी अमरजीत भी मौजूद रहे।
सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव के दृष्टिगत आज यहां एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार निर्वाचन राजेन्द्र शर्मा ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यालय अध्यक्षों से निर्वाचन ड्यूटी पर तैनात किए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सूची तैयार करने को कहा गया। राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सुचारू निर्वाचन के लिए सभी आहरण एवं वितरण अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों की सूची 31 जुलाई, 2021 तक जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन को प्रेषित करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारियों को डाइस सॉफ्ट्वेयर की जानकारी प्रदान की गई। तहसीलदार निर्वाचन ने कहा कि सभी अधिकारी वेबपोर्टल http://admins.hp.nic.in पर कर्मचारियों का विवरण अद्यतन करें तथा इसे जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन के ई-मेल पते elect-sol-hp@nic.in पर प्रेषित करना भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन ड्यूटी में ऐसे अधिकारियों एवं कर्मचारियां की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी जिनकी सेवानिवृति अवधि 01 वर्ष या इससे कम रह गई है। राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि वेबपोर्टल से सम्बन्धित अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 94598-46448 तथा 82193-22281 पर प्राप्त की जा सकती है। बैठक में नायब तहसीलदार निर्वाचन दीवान सिंह ठाकुर तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव के दृष्टिगत जिला में मदिरा के उत्पादन, भण्डारण एवं वितरण के अनुश्रवण के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। राज्य कर एवं आबकारी विभाग सोलन के उप आयुक्त हिमांशु आर. पंवर को राजस्व जिला सोलन तथा राज्य कर एवं आबकारी विभाग बद्दी के उप आयुक्त वरूण कटोच राजस्व जिला बद्दी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव के दृष्टिगत जिला में मदिरा के उत्पादन, भण्डारण एवं वितरण के अनुश्रवण के लिए राजस्व जिला सोलन से सम्बन्धित जानकारी के लिए हिमांशु आर. पंवर से दूरभाष नम्बर 01792-223744 तथा मोबाइल नम्बर 94182-34060 या ईमेल dcste.solan@mailhptax.gov.in पर सम्पर्क किया जा सकता है। मदिरा के उत्पादन, भण्डारण एवं वितरण के अनुश्रवण के लिए राजस्व जिला बद्दी से सम्बन्धित जानकारी के लिए वरूण कटोच से दूरभाष नम्बर 01795-271212 तथा मोबाइल नम्बर 94181-63237 या ईमेल dcste.baddi@mailhptax.gov.in पर सम्पर्क किया जा सकता है।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव के दृष्टिगत नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी है। उप निर्वाचन से सम्बन्धित कार्यों की समीक्षा के लिए सभी नोडल अधिकारियां की प्रथम बैठक 26 जुलाई, 2021 को आयोजित की जाएगी। यह बैठक उपायुक्त कार्यालय सोलन के बैठक कक्ष में 26 जुलाई, 2021 को सांय 3.00 बजे आयोजित होगी।
हर वर्ष सरकार तथा अन्य संस्थाओं द्वारा वन महोत्सव कार्यक्रम के माध्यम से लाखों पेड़ लगाए जाते हैं। पेड़ लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण व संवर्धन होना अति आवश्यक है। यह बात आज शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन, विधि, संसदीय कार्य एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने भाजपा महिला मोर्चा शिमला मण्डल द्वारा टूटीकंडी में आयोजित पौधा रोपण कार्यक्रम में देवदार का पौधा रोपित करने के उपरांत कही। उन्होंने बताया कि महिला मोर्चा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सराहनीय है। महिलाएं इन कार्यों में अधिक ईमानदार होती है, जो कार्य उनके द्वारा किया जाता है वह ईमानदार तरीके से किया जाता है। उन्होंने बताया कि पर्यावरण पूरे विश्व में एक समस्या बनी हुई है। पश्चिम देशों में ग्रीन हाउस एमीशन की समस्या को विकासशील देशों को दोषी ठहराया जाता है जबकि सारा एमीशन उनके द्वारा किया जाता है। उन्होंने बताया कि देश में हिमाचल प्रदेश एक मात्र ऐसा राज्य है, जो पूरे उत्तर भारत को ऑक्सीजन प्रदान करता है। यह तभी संभव हो सका है क्योंकि यहां पर फोरेस्ट कवर अधिक है। उन्होंने बताया कि शिमला में अधिकतर पेड़ देवदार के है जो बहुत पुराने व गिरने की स्थिति में है, उनके स्थान पर नए पौधे रोपित करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम बहुत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने समाज में महिलाओं के महत्व पर भी प्रकाश डाला और कहा कि सहकारी संस्थाओं में 33 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण देने पर विचार किया जा रहा है। कानून के तहत जो भी जरूरी संशोधन किया जाना है उसे आवश्यक रूप से किया जाएगा। प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इस अवसर पर टूटीकंडी के स्थानीय लोगों की जन समस्याएं भी सुनीं तथा उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया। वन महोत्सव कार्यक्रम के दौरान देवदार, दाडू, बान, ओक, अखरोट, शहतूत, मजनू, हाइड्रेंजिया आदि किस्म के लगभग 100 पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर नगर निगम महापौर सत्या कौंडल, पार्षद डाॅ. किमी सूद, विदूषी शर्मा, आशा शर्मा, जिला उपाध्यक्ष ममता गुप्ता, महिला मोर्चा शिमला मण्डल महामंत्री पिंकी गोयल, हेमा कश्यप, सचिव शिमला मण्डल राजेश्वरी शर्मा, मण्डल सचिव अनिता, मण्डल महामंत्री गगन लखनपाल, सुशील चैहान, किसान मोर्चा अध्यक्ष संजीव चैहान, पूर्व पार्षद प्रत्याशी जय चंद ठाकुर, पूर्व पार्षद मंजू सूद, सोशल मीडिया प्रभारी रमन कपूर, डीएफओ पवन चैहान, आरओ लच्छी राम, डिप्टी रेंजर मनी राम एवं अन्य भाजपा पदाधिकारी व अधिकारीगण उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के चौपाल के नेरवा इलाके में मासूम के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। अढ़ाई साल की मासूम के साथ हैवानियत की गई है। आरोप नाबालिग पर लगा है। आरोपी 17 साल का है और दसवीं कक्षा का छात्र है। पीड़िता की मां की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है और पुलिस ने आरोपी को भी हिरासत में ले लिया है। शिमला के एसपी मोहित चावला ने मामला दर्ज होने और गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की तफ्तीश जारी है। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल, बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई जा रह है। इस घटना से पूरे चौपाल इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित परिवार नेरवा क्षेत्र का रहने वाला है।
विद्युत उपमंडल नंबर-2 हमीरपुर के सहायक अभियंता अश्वनी पुरी ने सूचित किया है कि पेड़ों की कटाई व लाईनों के रख रखाव कार्य के चलते 250 के.वी.ए. पक्का भरो-2 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र आस्था अस्पताल तथा इसके आस-पास के क्षेत्रों में 26 जुलाई को सुबह 10 बजे से सायं 3 बजे तक बिजली बंद रहेगी। सहायक अभियंता ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
कोरोना संकटकाल में स्वास्थ्यकर्मी, आईपीएच कर्मचारी, विद्युतकर्मी, तहसील कर्मचारी निरन्तर सेवाएं दे रहे है। इस कार्य के लिए देश व प्रदेश उनकी सरहाना करता है। इसी कड़ी में गगरेट विधानसभा के दौलतपुर कस्बे और गनारी तहसील में कोरोनाकाल में कोरोना योद्धा के रूप में कार्य करने वाले कर्मचारियों को आज यानि शनिवार को समाजसेवी मनीष शारदा की टीम ने कोरोना किट देकर सम्मानित किया। इस मौके पर समाजसेवी मनीष शारदा की टीम ने विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को कोरोना की संभावित तीसरी लहर के बारे में जागरूक भी किया। वहीं कर्मचारियों को एन -95 मास्क, विटामिन सी की गोलियां और सेनेटाइजर भी दिये। कोरोनाकाल की दो लहरों में जिस तरह से सभी विभागों के कर्मचारियों द्वारा कार्य किया गया है, उसको लेकर भी समाजसेवी मनीष शारदा की टीम ने उनका धन्यवाद किया। इस मौके पर करण ठाकुर, होशियार सिंह, नरेंद्र और अशोक राणा मौजूद रहे।
जिला कल्याण समिति की बैठक हमीरपुर भवन में उद्योग, परिवहन, श्रम एवं रोजगार मंत्री विक्रम सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विक्रम सिंह, उपस्थित विधायकों और अधिकारियों ने जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए भोरंज क्षेत्र के जवान कमल वैद्य को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर शहीद की आत्मा की शांति की प्रार्थना की। इसके बाद सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं की पहली तिमाही की समीक्षा करते हुए विक्रम सिंह ने बताया कि हमीरपुर जिला को इन योजनाओं के तहत इस वित्त वर्ष में 60 करोड़ 24 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इसमें से 12 करोड़ रुपये से अधिक बजट खर्च भी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिला में पहली तिमाही के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 1342 नए मामले स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही जिला में अब यह पेंशन पाने वाले लोगों की संख्या 38,503 हो गई है। उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अब महिलाओं के लिए वृद्धावस्था पेंशन की उम्र घटाकर 65 वर्ष कर दी है। हमीरपुर जिला में इस आयु वर्ग की कई महिलाओं को पेंशन शुरू भी हो गई है। विक्रम सिंह ने कहा कि स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत जिला में एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के 96 परिवारों को मकान निर्माण के लिए डेढ़-डेढ़ लाख रुपये जारी करने हेतु बजट आवंटित किया गया है। बैठक के दौरान इस योजना के कई मामलों को मंजूरी प्रदान कर दी गई। अनुवर्ती कार्यक्रम के तहत कारीगरों और अन्य कामगारों को मशीनें एवं औजार प्रदान करने के लिए लगभग साढे नौ लाख रुपये का बजट रखा गया है। दिव्यांग छात्रवृत्ति, दिव्यांगजन विवाह अनुदान योजना, अंतरजातीय विवाह पुरस्कार और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत राहत राशि के लिए भी पर्याप्त बजट का प्रावधान किया गया है। उद्योग मंत्री ने कहा कि ये सभी योजनाएं सीधे गरीब और जरुरतमंद लोगों के साथ जुड़ी हुई हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन योजनाओं के कार्यान्वयन में जरा भी देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रदेश सरकार द्वारा लोगों के कल्याणार्थ चलाई जा रही योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि पात्र लोगों तक इनका लाभ पहुंच सके। उन्होंने बताया कि भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड भी गरीब कामगारों को कई सुविधाएं प्रदान कर रहा है, लेकिन जागरुकता के अभाव में कई पात्र लोग इनका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इस अवसर पर विधायक नरेंद्र ठाकुर और इंद्र दत्त लखनपाल ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने कहा कि जिला कल्याण समिति के अध्यक्ष द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरश: अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी तथा पात्र एवं जरुरतमंद लोगों को लाभान्वित करने के लिए त्वरित कदम उठाए जाएंगे। बैठक के दौरान जिला कल्याण अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा ने विभिन्न योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
हिमाचल सरकार ने बिक्रम जरियाल को नरेंद्र बरागटा के निधन के बाद उनकी जगह मुख्य सचेतक बनाया है। बिक्रम जरियाल चम्बा के भटियात से संबंध रखते है। जबकि हमीरपुर के भोरंज से कमलेश कुमारी को उप सचेतक बनाया गया है। विधानसभा से अधिसूचना जारी कर दी गई है। आपको बता दें कि 2 तारिख़ से प्रदेश में विधानसभा का मॉनसून सत्र भी शुरू होने जा रहा है जिससे पहले सरकार ने इनकी नियुक्तियां की है। प्रदेश में उपचुनाव की आहट के बीच सरकार ने फतेहपुर और उसके साथ लगते जवाली विधानसभा क्षेत्र से दो भाजपा नेताओं की भी निगम और बोर्ड में नियुक्ति कर दी है। भाजपा के ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के भरयाल गांव निवासी ओमप्रकाश चौधरी को प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम कांगड़ा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
राजधानी शिमला में एचआरटीसी कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को भी जारी है। शिमला से आज चंडीगढ़, दिल्ली, धर्मशाला रूटों पर कोई बस नहीं चली। शिमला शहर के भीतर भी एचआरटीसी बस सेवा बंद है। जिला शिमला में एचआरटीसी बस सेवा पूरी तरह ठप है। हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति ने आरएम का तबादला रद्द न करने पर पूरे प्रदेश में बसों का संचालन बंद करने का एलान किया है।वहीं हमीरपुर में भी एचआरटीसी कर्मचारियों ने प्राइवेट बसों को बस अड्डे के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया। गौरतलब है कि एचआरटीसी लोकल यूनिट और प्राइवेट बस ऑपरेटरों के बीच चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार को अचानक एचआरटीसी प्रबंधन ने क्षेत्रीय प्रबंधक शिमला लोकल देवासेन नेगी का शिमला से नेरवा तबादला कर दिया था। चालकों-परिचालकों ने इसे निजी बस ऑपरेटरों के दबाव में लिया फैसला बताकर बसें खड़ी कर निगम मुख्यालय के बाहर धरना दे दिया था।
जिला सोलन के विभिन्न क्षेत्रों कोटी, धर्मपुर, कादो, सुल्तानपुर, धरांह, कालाघाट, सोलन, देवठी, सुबाथू,, रडियाणा, रामपुर, चण्डी, गमझून, ग्रौणघाटी, अलोबरा, कन्यारा, बोकरा, बडोरघाटी, कुनिहार, उच्चागांव,मांझू, बावां, बुघार कनैतां, आदि क्षेत्रों में वृक्षारोपण का एक सुपर मेगा प्रोजेक्ट शैक्षिक आगाज, रेडियो मेरी आवाज एवं लिटिल हेल्प द्वारा किया गया। इस प्रोजेक्ट के द्वारा सम्पूर्ण भारत ही नहीं बल्कि विश्व के अनेक देशों में प्रातः 6 से लेकर शाम 6 बजे तक हरित क्रांति लाने एवं अपने पर्यावरण की सुरक्षा हेतु ऑक्सीजन देने वाले उपयोगी पेड़ो जैसे पीपल, नीम, बरगद का वृक्षारोपण किया गया। इन पेड़ों के साथ ही विभिन्न पर्यावरण संरक्षकों ने बिलपत्र, पारिजात, गुड़हल, तथा फलदार वृक्ष जैसे नींबू, संतरा, पपीता, कटहल, अमरूद, गलगल, अनार, आदि पेड़ों का भी वृक्षारोपण किया। पर्यावरण संरक्षण के कार्य में रमेश ठाकुर जिला परिषद अध्यक्ष सोलन, गौरव शर्मा प्रवक्ता शूलिनी यूनिवर्सिटी, कमल देव केंद्राध्यक्ष क्लस्टर गाईघाट,सुमन पाठ केंद्राध्यक्षा क्लस्टर उच्चागांव, रोशनलाल केंद्राध्यक्ष क्लस्टर गमझून, रवि शर्मा रामपुर यूथ क्लब, दिनेश शर्मा शास्त्री राजकीय माध्यमिक पाठशाला कोटी, राजेश शर्मा एवं राकेश शर्मा राजकीय माध्यमिक पाठशाला ग्रौणघाटी, अश्वनी शर्मा राजकीय माध्यमिक पाठशाला गमझून, भारती ठाकुर कनिष्ठ बुनियादी शिक्षिका, धरांह यूथ क्लब, बलदेव ठाकुर, गौरी शंकर, आदि ने लगभग 1000 पौधे लगाकर अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। कमल कुमार शर्मा ने कहा कि शैक्षिक आगाज, लिटिल हेल्प, रेडियो मेरी आवाज सभी लोगों से निवेदन करता है कि इस बरसात के मौसम में अधिक से अधिक पेड़ लगाएं तथा पृथ्वी को हरी-भरी, स्वच्छ एवं सुंदर बनाएं ।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इस समय अपने गृह क्षेत्र मंडी के दौरे में है। पिछले कल जिला मंडी की कार्यकारिणी के अध्यक्ष हिमांशु चौहान, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रमेश राजपूत, वर्तमान समय के प्रदेशध्यक्ष मुकेश भारद्वाज महासचिव प्रेमदीप कटोच व जिला कार्यकारिणी के अन्य सदस्य सहित सर्किट हाउस मण्डी में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिला और उन्हें अपनी समस्याओं के बारे में अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने बेरोजगार कला अध्यापकों की समस्याओं को सुना। उनके द्वारा सौंपे गए मांग पत्र पर मुख्यमंत्री ने लिखित रूप में आश्वासन देकर बेरोजगार कला अध्यापकों की समस्याओं का जल्द से जल्द निवारण करने का निर्देश दिया है। मांग पत्र देते समय जिला कार्यकारिणी मंडी के साथ लीलाधर, कर्म सिंह, राज वालिया, हेमराज व अन्य सदस्य मौजूद रहे।
देहरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एनपीएस ब्लाक देहरा के सभी एनपीएस कर्मचारियों ने स्थानीय विधायक होशियार सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की व अपनी समस्याओं के बारे उनको अवगत करवाया। इस दौरान उन्होंनेएनपीएस की खामियों के बारे में चर्चा की तथा पुरानी पेंशन बहाली का प्रस्ताव भी रखा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य उपाध्यक्ष सौरभ वैद ने की। जिसमें उनकी मुख्य मांग केंद्र की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में भी मृत्यु एवं अपंगता से संबंधित 2009 की अधिसूचना को प्रदेश में लागू किया जाएताकि किसी भी कर्मचारी की अचानक मृत्यु होने पर उसके परिवार को पारिवारिक पेंशन का प्रावधान हो।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में बारूदी सुरंग फटने से हमीरपुर का जवान शहीद हो गया। ग्राम पंचायत लगमनवी के गांव घुमारली का रहने वाला शहीद कमल वैद्य डोगरा रेजिमेंट में तैनात था। शहीद जवान अप्रैल में छुट्टी काट कर ड्यूटी पर लारैटा था। 27 वर्षीय जवान की अक्तूबर माह में शादी तय थी। घर पर विवाह की तैयारियां चल रही थीं। शहीद अपने पीछे माता-पिता, बड़ा भाई और दो बहनों को छोड़ गया है।
हिमाचल में बीते दिनों से हो रही बारिश से प्रदेश भर में भारी नुकसान हो रहा है। काँगड़ा के बाद अब कुल्लू जिला में भी कुदरत ने अपना कहर बरपाया है। देर रात कुल्लू जिले के आनी के खादवी व तराला गांव में बादल फटने और बारिश से भारी तबाही हुई है। इन गांवों को जाने वाली सड़क भी समासर के पास बंद हो गई है। कई सेब के पौधे नष्ट हुए हैं, घरों को भी नुकसान पहुंचा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 25 जुलाई के लिए प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 26 और 27 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 29 जुलाई तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने की संभावना जताई गई है। भूस्खलन होने से प्रदेशभर में 126 सड़कें बंद हैं। कुल्लू जिले में 12 सड़कों पर यातायात बंद है।
धरोहर गांव परागपुर में देश की पहली एसीसी सीमेंट कम्पनी ने सरपंच मीट का आयोजन किया । कार्यक्रम में 14 पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस मौके पर कम्पनी की तरफ से टेक्निकल इंजीनियर सौरभ सिंह ने समस्त पंचायत प्रतिनिधियों को सीमेंट की गुणवत्ता हेतु अवगत करवाया। योगराज शर्मा एन्ड संस् के सौजन्य से लगाए गए एक दिवसीय शिविर में सीमेंट की बारीकियो ओर उपयोग के बारे में बताया। वहीं भवन निर्माण कार्यो में रेत बजरी में सीमेंट की रेशो के बारे में भी समझाया गया। इस मौके पर देव भूमि क्रशर के मालिक अमित ठाकुर बतौर मुख्यातिथि उपस्तिथ रहे। योगराज एन्ड संस् के फाउंडर सन्नी शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान आये हुए सभी पंचायत संदस्यो को उनके बेहतरीन कार्यो के लिए सम्मनित किया। कार्यक्रम में महिला कल्याण बोर्ड की पूर्व अध्यक्षा ओर वर्तमान में कुड़ना पंचायत प्रधान रेणु बाला, पूर्व में ढलियारा वार्ड की जिलापरिषद एवं वर्तमान में घयोरी पंचायत की प्रधान पूनम धीमान, हार पंचायत की प्रधान उषा काचरा, मुहीं पंचायत प्रधान सुभाष शर्मा, बणी प्रधान बिंदु ठाकुर, गरली उपप्रधान सुशांत मोदगिल, मनियला उपप्रधान विकेश कुमार, वार्ड संदस्य अंजू ठाकुर, नीलम कुमारी, निशा आदि मौजूद रही।
रक्कड पुलिस ने शुक्रवार देर सायें अचानक गश्त के दौरान बडी कार्यवाही करते हुए गांव सदवां मे 41 पेटी देसी शराब के साथ तस्कर को रंगे हाथो दबोचा है बताया जा रहा है कि पुलिस की आंखों मे धूल झोंक कर शुक्रवार देर सांय अचानक यह तस्कर कालेशवर महादेव की ओर से अंब जिला ऊना की ओर अपनी गाडी HP 74 A 5218 मे देसी शराब से भरी गाडी लेकर जा रहा था कि इस दौरान गश्त पर निकली पुलिस ने इसे रोका और पूछताछ करने पर सही जवाब न दे पाया। खबर की पुष्टी करते हुए डीएसपी चन्द्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपी तस्कर को विभिन्न धाराओ सहित रेस्ट किया गया है वहीं छानबीन जारी है।
सिसु में ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर कचरा निस्तारण केंद्र की स्थापना की जाएगी ताकि एकत्रित किए गए ठोस कचरे को आगामी उपयोग के लिए व्यवस्थित तरीके से एसीसी बरमाणा संयंत्र के सुपुर्द किया जाता रहे। तकनीकी शिक्षा, जनजातीय विकास एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ रामलाल मारकंडा ने यह बात आज विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।उन्होंने कहा कि अटल टनल रोहतांग के खुलने के बाद सिसु के अलावा पूरी लाहौल घाटी में पर्यटन के विभिन्न पहलुओं पर आधारित नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। ऐसे में सिसु समेत पूरी लाहौल घाटी का कचरा मुक्त होना यहां के पर्यटन परिदृश्य को एक नया निखार दे पाने में सफल होगा और इसका सीधा लाभ पर्यटन व्यवसाय से जुड़े स्थानीय लोगों को भी मिलेगा। एसीसी बरमाणा अपने संयंत्र के लिए तमाम ठोस कचरे को उठाएगा जिसकी व्यवस्था कर दी गई है। जिला मुख्यालय केलांग में भी कचरा निस्तारण संयंत्र की स्थापना की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। उन्हें संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इसको लेकर जल्द कार्य योजना के अनुरूप अमलीजामा पहनाया जाना सुनिश्चित बनाया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि केलांग कस्बे की सड़क की टारिन्ग में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करें ताकि प्रतिकूल मौसम के बावजूद यह लंबे समय तक बनी रहे। उन्होंने कहा कि केलांग और उदयपुर में 2- 2 हाई मास्ट लाइटों की स्थापना भी की जा रही है। इसके लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवा दी गई है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कहा कि हाई मास्ट लाइटटों की स्थापना के लिए उपयुक्त जगह का चयन हर हाल में होना चाहिए ताकि अधिकाधिक क्षेत्र में रात के समय प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था रहे। बाद में उन्होंने जिला कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता भी की। इस दौरान उन्होंने बताया कि विभिन्न सामाजिक सुरक्षा स्कीमों के तहत 5 करोड़ 22 लाख की राशि इस वर्ष खर्च की जा रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन स्कीमों का प्रचार- प्रसार ग्रामीण स्तर तक होना चाहिए ताकि सभी पात्र व्यक्तियों को इनका लाभ मिलना सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि आंगनवाड़ी वर्कर और आशा वर्कर के माध्यम से भी छूटे हुए पात्र व्यक्तियों की जानकारी हासिल की जाए और उन्हें इन स्कीमों में शामिल किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पात्र व्यक्तियों का चयन ग्राम सभा की गैर मौजूदगी में कमेटी के माध्यम से करना सुनिश्चित किया जाए ताकि जब तक ग्राम सभा का गठन नहीं होता है उस अवधि में भी लोगों को इन स्कीमों का लाभ मिल सके। बैठक में एसडीएम प्रिया नागटा, जिला कल्याण अधिकारी खुशविन्दर ठाकुर के अलावा अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
डॉ यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी ने विश्वविद्यालय द्वारा विज्ञापित विभिन्न पदों के लिए प्रोविजिनल रूप से भर्ती उम्मीदवारों के लिए लिखित ऑब्जेक्टिव टाइप परीक्षा तारीक की अधिसूचना जारी कर दी है। ड्राइवर (पोस्ट कोड 212) और फार्मासिस्ट (पोस्ट कोड 302) के लिए परीक्षा की तिथियां क्रमशः 15 सितंबर और 17 सितंबर को आयोजित की जाएगी। प्रयोगशाला तकनीशियन (पोस्ट कोड 303) और जूनियर इंजीनियर सिविल (पोस्ट कोड 204) के लिए परीक्षा क्रमशः 22 सितंबर और 3 अक्टूबर को होगी जबकि फील्ड असिस्टेंट (पोस्ट कोड 208) के पद के लिए परीक्षा 17 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 के बीच आयोजित की जाएगी। पात्र उम्मीदवारों को अपना रोल नंबर/संशोधित प्रवेश पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.yspuniversity.ac.in से डाउनलोड करना होगा। जो परीक्षा से 10 दिन पहले उपलब्ध होगा। उम्मीदवार 01792-252444 या rectt.uhf@gmail.com पर भी संपर्क कर सकते हैं।
अर्की उपचुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगो व चैनलों के द्वारा भाजपा में प्रत्याशी को लेकर बेवजह बयान बाजी कर राई का पहाड़ बनाने की कोशिश की जा रही है। जारी बयान में भाजपा के जिला सह मीडिया प्रभारी इन्दर पाल शर्मा ने बताया की अर्की से भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा ये प्रदेश संगठन तय करेगा। स्वाभाविक है की चुनाव के समय पार्टी का कोई भी सक्रिय कार्यकर्ता टिकट की मांग कर सकता है। अर्की में भाजपा के दर्जनों वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं जो 40 वर्षो से संगठन में सक्रिय रूप से पार्टी के मंडल, जिला व राज्य स्तर पर विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं अथवा कर रहे हैं। संगठन जिसे भी टिकट देगा भाजपा का हर एक कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करेगा और अर्की से भाजपा के प्रत्याशी को विजयी बनाएगा। शर्मा ने कहा की कॉंग्रेस पार्टी में भी अनेक लोग टिकट मांग रहे हैं। अपनी पार्टी से सभी को टिकट मांगने का अधिकार है। उन्होंने यह भी कहा की सभी टिकट के इच्छुक कार्यकर्ताओं से निवेदन है कि वह मंडल के माध्यम से उचित प्लेटफार्म पर ही अपनी बात रखें। मीडिया में जाकर टिकट की मांग करना यह पार्टी की पद्धति नहीं है सभी अनुशासन बनाकर रखें।
ग्राम पंचायत सेवडा चंडी के कांगरी धार में देवता बाडुबाडा मंदिर में अर्की विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक वीरभद्र सिंह व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेन्द्र ठाकुर के प्रयासों से 2 लाख पचास हजार की हाईमास्ट लाईट मंदिर परिसर में पहुँच गयी। इस कार्य के लिए मंदिर कमेटी के प्रधान लेखराम ठाकुर, सचिव परस राम सेन व स्थानीय लोगों ने राजेन्द्र ठाकुर का धन्यवाद किया है। इस मौके पर ब्लॉक समिति कुनिहार की अध्यक्षा सोमा कोंडल, ब्लॉक कांग्रेस अर्की के महासचिव वेद ठाकुर, चाखड-पारनु ब्लॉक समिति सदस्य बलवंत सिंह, नवगांव की ब्लॉक समिति सदस्य रक्षा देवी, उपप्रधान सेवड़ा चंडी तुलसी राम, उपप्रधान कश्लोग भागीरथ ठाकुर, पूर्व प्रधान चाखड, उपेंद्र ठाकुर, पूर्व प्रधान सन्याडी मोड जीतराम ठाकुर, कृष्ण ठाकुर, नरेश ठाकुर, नागेश शर्मा, हेमराज बंसल, खेमराज ठाकुर, बबलू ठाकुर, कुलदीप ठाकुर, पवन ठाकुर, हेम राज, बनीत ठाकुर सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सीटू के अखिल भारतीय आह्वान पर सीटू राज्य कमेटी हिमाचल प्रदेश ने आवश्यक रक्षा सेवा अधिनियम, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों व विशेष तौर पर आयुद्ध कारखानों के रक्षा उत्पादन के धड़ाधड़ निजीकरण के विरुद्ध तथा डिफेंस कर्मचारियों के साथ एकजुटता प्रकट करने के लिए प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किए। इस दौरान जिलाधीशों के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति को डिफेंस कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में ज्ञापन प्रेषित किए। सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा व महासचिव प्रेम गौतम ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार निगमीकरण की प्रक्रिया के ज़रिए आयुद्ध कारखानों के धड़ाधड़ निजीकरण की ओर बढ़ रही है। यह देश की आंतरिक व बाह्य दोनों तरह की सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद खतरनाक कदम है। इस से कर्मचारियों के भविष्य पर भी गम्भीर प्रश्न चिन्ह खड़े हो रहे हैं। यह कदम जहां एक तरफ देश विरोधी है वहीं दूसरी ओर कर्मचारी विरोधी भी है। सरकार का यह कदम रक्षा क्षेत्र की कर्मचारी फेडरेशनों को अक्तूबर 2020 में केंद्र सरकार द्वारा दिए गए आश्वासन के विरुद्ध है। केंद्र सरकार की मनमानी के खिलाफ जब देश की पांच डिफेंस एम्प्लॉयीज फेडरेशनों ने हड़ताल का आह्वान किया तो आंदोलन को कुचलने के लिए सरकार ने बेहद खतरनाक आवश्यक रक्षा सेवा अधिनियम के ज़रिए हड़ताल व लोकतांत्रिक प्रणाली से होने वाले सभी तरह के प्रदर्शनों को प्रतिबंधित करने का फरमान जारी कर दिया। इससे न केवल रक्षा उत्पादन क्षेत्र ही प्रभावित होगा अपितु इसके पूर्ण ट्रेड यूनियन आंदोलन के लिए गम्भीर परिणाम होंगे। उन्होंने मांग की है कि कर्मचारी व ट्रेड यूनियन विरोधी आवश्यक रक्षा सेवा अधिनियम को तत्काल निरस्त किया जाए। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों व विशेष तौर पर आयुद्ध कारखानों के रक्षा उत्पादन के धड़ाधड़ निजीकरण पर तुरन्त रोक लगाने की मांग की है।
पेगासस जासूसी मामले पर कांग्रेस के रवैए पर हमला बोलते हुए भाजपा मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा कि यह मामला पूरी तरह से निराधार और तथ्यहीन है। विपक्षी दल इस मामले को लेकर किसी भी प्रकार के तथ्य सामने नहीं ला पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का मानना है कि यह एक अंतरराष्ट्रीय साजिश है और जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की लोकप्रियता पूरे विश्व में पिछले 7 वर्षों में बढ़ी है उसको विपक्षी दल एवं देश विरोधी ताकते पचा नहीं पा रही है। उन्होंने कहा कि इस ताकतों द्वारा भारत को बदनाम करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा इसीलिए मॉनसून सत्र से ठीक 1 दिन पहले यह तत्यहीन एवं निराधार मामला उठाया गया। भाजपा इस घटिया राजनीति की कड़ी निंदा करती है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा है कि अगर विपक्षी दलों के पास कोई तथ्य है तो ऐसे मामलों पर लोकसभा एवं राज्यसभा में चर्चा की जा सकती है पर जिस प्रकार से विपक्षी दल इस चर्चा से भाग रहा है वह साबित करता है कि यह मामला केवल काल्पनिक है। रणधीर शर्मा ने कहा एनएसओ एक इजरायली कंपनी है, पेगासस इसका प्रोडक्ट है, इस मामले में पेगासस ने इनकार किया है कि हमारे कस्टमर से इसका कनेक्शन नहीं है। कंपनी ने कहा कि इस मामले से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। भजापा कांग्रेस पार्टी व अन्य विपक्षी दलों के नेताओं की सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए और अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए देश की छवि को धूमिल करने जैसी निमिन स्तरीय राजनीति की कड़ी निंदा करती है।
उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने कृषि विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभाग के अधिकारीयों को जिले में कृषि के क्षेत्र में एक “आदर्श गांव” विकसित करने के निर्देश दिए ताकि यह गांव जिले के अन्य किसानों को कृषि की आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर सके। उन्होनें विभाग के अधिकारियों को गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याओं का हल करने व केन्द्र तथा प्रदेेश सरकार की योजनाओं के बारे जागरूक करने को कहा। उन्होनें इसके लिए एक रूप रेखा तैयार करने के निर्देश दिए तथा कहा कि विभाग के अधिकारी जिले के सभी गांव में किसान जागरूकता शिविर आयोजित कर किसानोें को कृषि की आधुनिक तकनीक के बारे जागरूक करें। उन्होनें कहा कि कृषि अधिकरियों को विभिन्न योजनओं का किसानों के खेतों तक पहुंचना मुख्य उदेश्य होना चाहिए। उपायुक्त ने इस अवसर पर कृषि क्षेत्र में सरकार द्वारा आरम्भ की गई विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों के सफल कार्यान्वयन के लिए जारी बजट की जानकारी भी ली। उन्होनें विभाग को जारी बजट का सही प्रकार से सदुपयोेग करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सके और उनकी आर्थिकी सुदृढ हो सके। बैठक में बताया गया कि जिले में इस वित्त वर्ष के तहत विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों के लिए 2 करोड़ 59 लाख रू का बजट आबंटित किया गया है । उपायुक्त ने किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए। उन्होनें कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना आरम्भ की गई है। जिसके लिए इस वित्त वर्ष में 7.50 लाख रू0 का प्रावधान किया गया है। उन्होनें बताया कि जंगली जानवरो से किसानो की फसल बचाने के लिए मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना आरम्भ की गई है जिसके तहत सौलर फेन्सिंग लगाने के लिए 80 प्रतिशत तक का उपदान दिया जा रहा है तथा किसान समूह बाढ़-बन्दी के लिए 85 प्रतिशत का उपदान दिया जा रहा है। उन्होनें बताया कि जिले में इस वित वर्ष में कृषि उत्पादन संरक्षण योजना के तहत 27 लाख रू0 जारी किए गए है। इसी प्रकार राज्य कृषि यंत्रीकरण कार्यक्रम के लिए 40 लाख 50 हजार रू स्वीकृत किए गए है। जिसके तहत किसानों को पॅावर ट्रिलर व अन्य कृषि उपकरणों की खरीद पर उपदान देने का प्रावधान है। बैठक में बताया गया कि जिले में मुख्यमंत्री ग्रीन हाउस योजना को भी कार्यान्वित किया जा रहा है योजना के तहत 2 लाख 70 हजार रू स्वीकृत किए गए है। बैठक में आईटीडीपी विभाग के परियोजना अधिकारी विद्याधर नेगी व अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
राष्ट्रीय युवा बाॅक्सिंग चैम्पियनशिप में किन्नौर की बेटी ने स्वर्ण पदक जीता है। हरियाणा राज्य के सोनीपत में आयोजित राष्ट्रीय युवा बाॅक्सिंग प्रतियोगिता में किन्नौर जिला की स्नेहा ने 66 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया है जबकि 52 किलोग्राम भार वर्ग में रितू ने कांस्य पदक हासिल किया है। यह जानकारी बाॅक्सिंग कोच उपेन्द्र नेगी ने दी। उन्होनें बताया कि जिले से राष्ट्रीय युवा बाॅक्सिंग प्रतियोगिता में 3 खिलाड़ी भाग ले रहे है। जिनमें 2 युवतियां तथा 1 युवक शामिल है। उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने कुमारी स्नेहा को स्वर्ण पदक जीतने व रितू को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। उन्होनें कहा कि उनकी इस जीत से प्रदेश सहित जिले का नाम रोशन हुआ है। इन खिलाडियों की जीत से जिला के युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। उपायुक्त ने खेल विभाग व जेएसडब्लयु प्रबन्धन को भी बधाई दी है, जिनके संयुक्त प्रयासों ने जिले में खेल प्रतिभाओं को उभारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डॉ. विकास सूद की अध्यक्षता में आज कण्डाघाट में कोविड-19 से बचाव के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डॉ.विकास सूद ने बैठक में खण्ड चिकित्सा अधिकारी सायरी को निर्देश दिए कि उपमण्डल में कोविड-19 की रेंडम सैम्पलिंग के लिए समय सारिणी तैयार करें। उन्होंने कहा कि चायल में ऑक्सीजन संयंत्र का प्राक्कलन लोक निर्माण विभाग के माध्यम से मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन को प्रेषित किया गया है। इस मामले में आगामी कार्यवाही सुनिश्चित करें ताकि यह ऑक्सीजन संयंत्र शीघ्र स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि कण्डाघाट तथा चायल बाजार सहित उपमण्डल के अन्य क्षेत्रों में कोविड-19 की सम्भावित तीसरी लहर से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करें। लोगों को सोशल डिस्टेन्सिग नियम के पालन तथा सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने के लिए जागरूक किया जाए। उपमण्डलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि पंचायत प्रतिनिधियों के साथ कोविड-19 सैम्पलिंग की सारिणी साझा करे तथा ग्राम पंचायतों में इस कार्य के लिए स्वयंसेवियों की सहायता ली जाए। यह सुनिश्चित बनाया जाए कि रेंडम सैम्पलिंग के माध्यम से कोरोना संक्रमण को रोका जा सके।इस अवसर पर खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संगीता उप्पल, तहसीलदार कण्डाघाट अमन कुमार राणा, सीडीपीओ कण्डाघाट पवन गर्ग, नगर पंचायत कण्डाघाट के सचिव रजनीश चौहान, कनिष्ठ अभियन्ता सुलक्षण जसवाल, स्वास्थ्य विभाग से कमलेश शुक्ला, खेम चंद वर्मा उपस्थित थे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन द्वारा 26 जुलाई से 9 अगस्त तक जिला में सघन दस्त रोग निवारण पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ.अजय सिंह ने दी। डाॅ.अजय सिंह ने कहा कि इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य लोगों को दस्त रोग से बचाव के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि पखवाड़े को सफल बनाने के लिए आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल के निर्देशानुसार नगर निगम सोलन की परिधि में कार्यरत आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में 34 आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया। शिविर में आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में पखवाड़े के दौरान ऐसे सभी घरों में जाने के निर्देश दिए गए जिनमें 0 से 5 वर्ष आयुवर्ग तक के बच्चे हैं। उन्हें निर्देश दिए गए कि ऐसे सभी घरों में दस्त रोग से बचाव की जानकारी दी जाए और ओआरएस एवं जिंक की गोलियां वितरित की जाए। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. मुक्ता रस्तोगी ने आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को ओआरएस पैकेट्स, जिंक की गोलियां, मास्क, सेनिटाइजर व जागरूकता के लिए हैण्ड बिल्स उपलब्ध करवाए। उन्होंने आग्रह किया कि 26 जुलाई से आयोजित किए जाने वाले पखवाड़े में घर-घर जाकर लोगों को दस्त रोग से बचाव के विषय में जागरूक बनाएं। इस अवधि में सभी को कोविड-19 से बचाव के लिए नियम पालन तथा जलजनित रोगों से सुरक्षा के सम्बन्ध में जागरूक भी किया जाए। डाॅ.अजय सिंह ने नगर निगम सोलन की परिधि में रहने वाले सभी निवासियों से अपील की कि पखवाड़े के दौरान इस कार्य के लिए तैनात स्वास्थ्य विभाग की टीम को पूर्ण सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सघन दस्त रोग निवारण पखवाड़े का संचालन स्वास्थ्य पर्यवेक्षक उमाशंकर करेंगे। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित थीं।
हिमाचल प्रदेश बस अड्डा प्रबन्धन एवं विकास प्राधिकरण सोलन द्वारा नया बस अड्डा सोलन में दुकान की नीलामी के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश बस अड्डा प्रबन्धन एवं विकास प्राधिकरण सोलन क्षेत्र के नोडल अधिकारी शुगल सिंह ने दी। शुगल सिंह ने कहा कि नया बस अड्डा सोलन में दुकान नम्बर 21 को 33 माह की अवधि के लिए नीलाम किया जाएगा। इच्छुक प्रार्थी हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम सोलन के क्षेत्रीय प्रबन्धक के कार्यालय में 26 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक प्रार्थी उक्त तिथि को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक 500 रुपए के भुगतान तथा 18 प्रतिशत जीएसटी का भुगतान कर निविदा पत्र प्राप्त कर सकते हैं। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए निगम के दूरभाष नम्बर 01792-230219 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा प्राकृतिक खेती अपनाकर हम सुदृढ़ भविष्य की नींव रख सकते हैं। डॉ. सैजल गत सांय सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुल्तानपुर में पात्र लाभार्थियों को अपनी ऐच्छिक निधि से चैक वितरित करने के उपरान्त उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। डॉ. सैजल ने इस अवसर पर क्षेत्र के पात्र 34 लाभार्थियों को अपनी ऐच्छिक निधि से लगभग 03 लाख रुपए के चैक वितरित किए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है कि सभी ऐसा आहार ग्रहण करें जो रासायनिक जहर से मुक्त हो। इसके लिए प्रदेश में कार्यान्वित की जा रही प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना आशा की एक किरण है। इस योजना के राज्य में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। प्रदेश में एक लाख से अधिक किसान सफतापूर्वक प्राकृतिक खेती कर रहे हैं और इस वर्ष 50 हजार और किसान यह खेती अपनाने की दिशा में अग्रसर हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि समाज के गरीब व ज़रूरतमंदों की सहायता के लिए सभी को निःस्वार्थ भाव से आगे आना चाहिए ताकि ऐसे व्यक्तियों का उत्थान सुनिश्चित हो सके। आयुष मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की विकास सम्बन्धी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है। जीरो प्वाइंट से ओच्छघाट तक सड़क का निर्माण भाजपा के कार्यकाल में किया गया है और इससे किसान, बागवान एवं छात्र विशेष रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। भाजपा सरकार के प्रयास से ही इस क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किए गए हैं। सुल्तानपुर में स्थापित एम.एम.यू. अस्पताल एवं महाविद्यालय सोलन जिला सहित पूरे क्षेत्र को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सुल्तानपुर के कार्यालय भवन का निर्माण शीघ्र किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा मंडल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष यशपाल ठाकुर, ग्राम पंचायत सुल्तानपुर के प्रधान संजय कुमार, पूर्व प्रधान वीना पराशर, भाजयुमो कसौली के उपाध्यक्ष गौरव ठाकुर, उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय कुमार यादव, खण्ड विकास अधिकारी रमेश शर्मा सहित काफी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मनुष्य को स्वस्थ जीवन की अनिवार्यता के लिए वनों का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने ग्राम पंचायत पगोग के बड़श गांव में भाजपा मण्डल कुसुम्पटी एवं बूथ स्तरीय महिला मोर्चा के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित बान व देवदार के पौधे रोपित करने के उपरांत अपने संबोधन में यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन से ही मनुष्य सुरक्षित व खुशहाल रह सकता है। कोविड महामारी के दौरान ऑक्सीजन की आवश्यकता को लेकर प्रकृति ने हमें सचेत किया है। उन्होंने कहा कि वृक्षों के विस्तार से हम इन चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि पौधा रोपण समारोह करने के उपरांत इन पौधों के संरक्षण व संवर्धन के लिए भी हमें व्यक्तिगत तौर पर अपना सहयोग प्रदान करना चाहिए। उन्होंने सभी सदस्यों से इस संबंध में सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि आज पौधारोपण कार्यक्रम के तहत बान व देवदार के 150 पौधे रोपित किए गए। भाजपा कुसुम्पटी मण्डल के सदस्यों ने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ इनकी देखभाल का दायित्व भी उनके द्वारा निर्वहन किया जाएगा और क्षेत्र में हरित प्रसार के संबंध में निरंतर कार्य करेंगे। कार्यक्रम में पूर्व उप-महापौर एवं पार्षद राकेश शर्मा, पार्षद राजेन्द्र चौहान, पार्षद व महिला मोर्चा भाजपा जिला महामंत्री आशा शर्मा, पंचायत प्रधान कृष्णा ठाकुर, उप-प्रधान विनोद शांडिल, गुड़िया सक्षम बोर्ड की उपाध्यक्ष रूपा शर्मा, जिला भाजपा महामंत्री अंजना शर्मा, मण्डलाध्यक्ष जितेन्द्र भोटका, कुसुम्पटी महिला मोर्चा मण्डलाध्यक्ष सुरेखा कश्यप, मण्डल महामंत्री चिरंजीव शर्मा, कुसुम्पटी निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी विजय ज्योति सैन, किसान मोर्चा संसदीय प्रभारी दलीप छिबर, आईटी संयोजक खूब चंद, उपाध्यक्ष उमेश वर्मा, प्रदेश महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रमा चौपड़ा, मीडिया प्रभारी अमर सिंह ठाकुर, मण्डल सचिव दिवेश कुमार, मण्डल उपाध्यक्ष राज कुमार भी उपस्थित थे।
उपमण्डलाधिकारी शिमला शहरी मंजीत शर्मा की अध्यक्षता में आज यहां विभागीय अधिकारियों के साथ दक्षिण-पश्चिम मानसून से निपटने के लिए की गई व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने समस्त विभागीय अधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की कठिनाईयों का सामना न करना पड़े। उन्होंने नगर निगम शिमला तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बरसात के दौरान नालों व चैनलों को साफ करने के निर्देश दिए तथा डंगों व सड़क अवरूद्ध होने की स्थिति में तुरन्त कार्यवाही करते हुए सुचारू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने राजस्व विभाग को शिमला शहर में संवेदनशील जनसंख्या की मैपिंग करने के निर्देश दिए ताकि आपदा के समय उन्हें सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जा सके। साथ ही आपदा पीड़ितों को तुरन्त राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। होमगार्ड तथा अग्निश्मन विभाग के अधिकारियों को आपदा के समय तुरन्त कार्यवाही करते हुए लोगों को सुरक्षा प्रदान करने को कहा। बिजली विभाग तथा वन विभाग के अधिकारियों को सामुहिक निरीक्षण कर खतरनाक पेड़ों को काटने के निर्देश दिए गए है ताकि बिजली की लाईनों के साथ-साथ आम जनमानस को भी खतरनाक पेड़ों से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने जल शक्ति विभाग को बरसात के दौरान शहर में स्वच्छ जल मुहैया करवाने के निर्देश दिए ताकि जल जनित रोगों से जनता को बचाया जा सके। बैठक में नायब तहसीलदार शहरी हरि राम पंवर, एसडीओ एसजेपीएनएल शिमला महबूब शेख, एईएमसी शिमला गोपेश बेहल, स्टेशन फायर अधिकारी टेक चंद एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में मार्च 2021 में मंडी, कुल्लू और लाहौल- स्पीति जिलों के नवयुवकों के लिए आयोजित की गई खुली भर्ती में सफल उम्मीदवारों की लिखित परीक्षा जो 25 जुलाई को बल्लभ राजकीय कॉलेज मंडी में होने जा रही थी उसे स्थगित कर दिया गया है। सेना भर्ती निदेशक मंडी, कर्नल एम राजा राजन ने बताया कि कोरोना वायरस और मानसून की वर्षा के दृष्टिगत इस परीक्षा को स्थगित किया गया है। जल्द ही परीक्षा की नई तारीख तय की जाएगी जिसको लेकर उम्मीदवारों को सूचित कर दिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के सीमांत इलाकों की खड्डों से अवैध खनन कर ले जाया जा रहा रेत पंजाब की मंडियों में मंहगे दामों पर बेचा जा रहा है। पंजाब में बेचे जा रहे महंगे रेत का खुलासा पुलिस की जांच में हुआ है। ऊना पुलिस की टीम ने पंजाब के जालंधर में खनन माफिया के अड्डे पर दबिश देकर अवैध खनन के रेत की तस्करी का पता लगाया है। जानकारी के अनुसार ऊना पुलिस ने कुछ दिनों पहले खानपुर के पास दबिश देकर अवैध खनन करते हुए 13 टिपरों को पकड़ा था। पुलिस ने अवैध खनन कर ले जाए जा रहे रेत का पता लगाने को लेकर ऊना पुलिस की टीम ने पंजाब के जालंधर में खनन माफिया के अड्डे पर दबिश। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि ऊना से अवैध खनन कर सस्ते रेट पर ले जाया जा रहा रेत पंजाब के जालंधर में रेत की मंडी लगाकर महंगे दामों पर रेत बेचा जा रहा है। खनन माफिया के लोगों ने जालंधर में नगर परिषद से किराए पर भूमि लेकर रेत मंडी लगाकर रेत बेच रहे हैं। मामले की पुष्टि एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने की है। बताया कि मंडियों में रेत बेच रहे लोग टिप्पर चालक को पैसे देकर सस्ते दामों पर हिमाचल से रेत मंगवा रहे हैं और पैसों के लालच में कई टिप्पर चालक रेत ले जाने के लिए दिन में दो-दो चक्कर भी लगा रहे हैं। मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल- स्पीति स्थित चंद्रताल झील में डूबे युवक के मृत शरीर को खोजी दल द्वारा बरामद कर लिया गया है। लाहौल-स्पीति के उपायुक्त नीरज कुमार ने बताया कि खोजी दल द्वारा मृत शरीर को निकाल लिया गया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए काजा भेजा जा रहा है। उपायुक्त ने चंद्रताल झील की ओर जाने वाले पर्यटकों से आग्रह किया है कि वे झील के समीप पहुंचने के बाद अपनी सुरक्षा को लेकर पूरी एहतियात अवश्य बरतें। उपायुक्त ने यह भी कहा कि चूंकि बरसात का मौसम जारी है, ऐसे में तेज बारिश होने की सूरत में पर्यटक सावधानी बरतते हुए अनावश्यक ऐसी जगहों का रुख ना करें जहां उनकी सुरक्षा के लिए खतरा हो सकता है।
प्रोफेसर एसपी बंसल हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति नियुक्त किए गए हैं। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई हैं। प्रोफेसर एसपी बंसल वर्तमान में तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में बतौर कुलपति सेवाएं दे रहे हैं। जून 2021 में राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एसपी बंसल को आगामी एक साल के लिए दोबारा से कुलपति नियुक्त किया था। 2020 में प्रोफेसर बंसल की नियुक्ति तकनीकी विश्वविद्यालय में बतौर कुलपति एक वर्ष के लिए की गई थी। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में कुलपति का पद अप्रैल माह से खाली चल रहा था। वर्तमान में डॉ. रोशन लाल के पास कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार है। उन्हें अब कार्यकारी कुलपति के कार्यभार से मुक्त कर दिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा की पत्नी राधिका के फेसबुक पेज पर लिखी एक पोस्ट काफी वायरल हुई है। उस पोस्ट में राधिका के ससुर सदर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अनिल शर्मा पर कई गंभीर आरोप लिखे गए। हालांकि कुछ देर बाद पोस्ट पेज से गायब हो गई। इस पोस्ट में अनिल शर्मा की ओर से एक नोटिस की कापी थी, जिसमें होटल में चल रहे सैलून को खाली करने के लिए लिखा था। बता दें कि अनिल शर्मा परिवार का मंडी शहर में रीजेंट पाल्म्स होटल है। इसमें आश्रय शर्मा, उनकी माता और परिवार के अन्य सदस्य निदेशक हैं। इसी होटल में राधिका भी शादी के बाद से लगभग पिछले 33 महीनों से सैलून चला रही हैं। इसी सैलून को खाली करने के नोटिस की कापी इस पोस्ट में थी। उधर, देर शाम करीब नौ बजे राधिका के पति आश्रय शर्मा के फेसबुक पर पोस्ट वायरल हुई, जिसमें उन्होंने लिखा कि मेरी पत्नी का फेसबुक अकाउंट हैक हो गया है। उस अकाउंट से किसी ने हमारे पूरे परिवार को बदनाम करने की साजिश रची है। मेरा अनुरोध है कि आप उस अकाउंट से डाली पोस्ट को गंभीरता से न लें। हमारा परिवार एकजुट है और ऐसी कोई भी बात नहीं है जो उस पोस्ट के माध्यम से कही गई है। बता दें कि राधिका क्रिकेटर गौतम गंभीर की चचेरी बहन हैं। करीब छह साल पहले वह आश्रय के साथ परिणय सूत्र में बंधी हैं। वहीं, देवरानी अर्पिता खान शर्मा ने भी देर रात वायरल पोस्ट को लेकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने ससुर अनिल शर्मा पर पर लगे आरोपों को निराधार बताया।। साथ ही अपनी जेठानी राधिका पर जमकर बरसीं। उधर, अनिल शर्मा ने इस पोस्ट को अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया।
हिमाचल प्रदेश में हर चुनाव में शहीद की पत्नी को पति का स्मारक बनाने के लिए नेता आश्वासन देते पर चुनाव के बाद सब भूल जाते। प्रदेश में न जाने कितनी सरकारें आई और गई लेकिन किसी ने आज तक अपना वादा पूरा नहीं किया। सरकारों और नेताओं ने नहीं सुना तो अब शहीद की पत्नी ने पाई-पाई जोड़कर इकट्ठे किए करीब 60 हजार रुपये से खुद ही पति का स्मारक बनवा दिया। दरअसल भवाई पंचायत के कुफर गांव के नायक कुलदीप सिंह 21 जुलाई 2001 को सियाचिन में ग्लेशियर की चपेट में आने से शहीद हो गए थे। उस समय उनके चार बच्चों में सबसे छोटी बेटी की उम्र दो वर्ष थी। शहीद की पत्नी फुलमा देवी ने अपने सभी बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। शहीद की पत्नी ने 20 वर्षों तक क्षेत्र में वोट मांगने आने वाले नेताओं से उम्मीद की थी कि वह उनके शहीद पति की याद में कोई कार्य करेंगे। लेकिन, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। नेताओं की निष्क्रियता को देखते हुए फुलमा ने स्वयं ही पति की प्रतिमा बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि देने का मन बनाया। उन्होंने राजस्थान जाकर शहीद पति की प्रतिमा बनवाई और गांव में उनकी याद को अमर कर दिया। शहीद की पत्नी फुलमा देवी ने बताया कि पति की शहादत के कुछ समय बाद अधरंग से उनका आधा शरीर बेकार हो गया। यदि सेना मदद न करती तो शायद मेरे बच्चे अनाथ हो जाते। उन्होंने कहा कि सरकार एवं स्थानीय नेताओं द्वारा शहीद की याद में कोई संस्थान एवं स्मारक न बनाए जाने का मलाल उन्हें हमेशा रहेगा।
पट्टाबरावरी में निर्माणाधीन श्री बाँके बिहारी मन्दिर के समीप आचार्य एवं श्री बाँके बिहारी विश्व मंगलम सेवा धाम के संस्थापक हरि महाराज ने रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पौधा रोपण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। सेवा धाम के मीडिया प्रभारी डीडी कश्यप ने बताया कि मन्दिर परिसर के आसपास अलग अलग किस्म के पौधों को रोपा जाएगा। जिसका शुभारम्भ आज हरि महाराज के द्वारा रूद्राक्ष का पौधा लगाकर किया गया। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन श्री बाँके बिहारी मन्दिर के लिए लोग अपनी स्वेच्छा से सहयोग कर रहे हैं। इसी कड़ी में हाल ही में विद्युत विभाग से सेवानिवृत्त देवेन्द्र कुमार शर्मा पट्टाबरावरी ने इस कार्य के लिए 1 लाख 11 हजार 1 सौ 1 रुपये का सहयोग किया। उन्होंने इछुक व्यक्तियों से मन्दिर निर्माण के लिए सहयोग की अपील की है।
मंडी संसदीय सीट समेत प्रदेश के 3 विधानसभा क्षेत्राें में हाेने वाले उपचुनाव से पहले सीएम जयराम ठाकुर ने मंडी जिले का दाैरा करेंगे। जयराम ठाकुर कल यानी 23 जुलाई से आगामी तीन दिनों तक मंडी जिले का तुफानी दाैरा करेंगे। सीएम ऑफिस से मिली जानकारी के मुताबिक वे 23 जुलाई काे शिमला से मंडी के लिए रवाना हाेंगे। वहां पर एमसी मंडी की समीक्षा बैठक लेंगे। सीएम 24 और 25 जुलाई काे भी मंडी जिले के विभिन क्षेत्राें में विकासात्मक कार्याें का शिलान्यास एवं उद्घाटन भी करेंगे।


















































