प्रदेश कर्मचारी महासंघ के पूर्व सचिव व जिला महासंघ मण्डी के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय राज्य पैन्शनर्ज महासंघ के प्रदेश महा मंत्री इन्दर पाल शर्मा ने प्रदेश सरकार द्वारा गत दिनो अराज पत्रित कर्मचारियो के अश्वनी कुमार गुट को मान्यता दिये जाने पर हैरानी व्यक्त की है । शर्मा ने कहा की इस समय प्रदेश में कर्मचारियो का एक एन आर, दुसरा विनोद कुमार व तीसरा अश्वनी गुट हैं। तथा कर्मचारी तीन धड़ों में बंटे हैं । ऐसे में एक गुट को मान्यता देकर 2 गुटों की अनदेखी करना उचित नहीं है । सरकार ने उपचुनाव के समय में ऐसा कदम उठा कर भारी भुल की है। इन्दर पाल शर्मा ने कहा कि सरकार को किसी एक गुट को मान्यता न देकर तीनो गुटों की एक समन्वय समिति का गठन करना चाहिये था और तीनो गुटों के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ सँयुक्त सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि अब भी समय है यदि सरकार प्रदेश के 2 लाख कर्मचारियों का विश्वास जितना चाहती है तो तीनो गुटों की समन्वय समिति बना कर उनसे वार्ता करे। इन्दर पाल शर्मा ने कहा कि सरकार को प्रदेश के पैन्शनरो के लिए भी यही नीति अपना कर उनके साथ शीघ्र वार्ता करनी चाहिये। तभी प्रदेश के 2लाख कर्मचारियो व 1•5 लाख पैन्शनरो के साथ सरकार के मधुर संबंध बने रह सकते हैं । शर्मा ने सरकार से उप चुनाव से पहले नये वेतनमान जारी करने और महगाई भते की किस्तें जारी किये जाने की भी माँग की है ।
हिमाचल प्रदेश भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ की बैठक का दीपकमल में आयोजित हुई। बैठक में शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने शिरकत की। भारद्वाज ने कहा कि सहकारिता प्रकोष्ठ का न केवल संगठन की दृष्टि से बल्कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के सपने को साकार करने में भी अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि सहकारिता के महत्व का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने इसके लिए अलग मंत्रालय बनाया है जिसका प्रभार गृहमंत्री अमित शाह के पास है। सहकार से समृद्धि का मंत्र ही भारत को आत्मनिर्भर बनाएगा। प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए भारद्वाज ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा सहकारिता के क्षेत्र में कई योजनाएं चलायी जा रही है। इन योजनाओं का मकसद ग्रामीण और शहरी आर्थिकी को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में आर्थिकी पर पड़े प्रभाव खत्म करने में इस क्षेत्र का अहम योगदान होगा।
हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवा कर्मचारी एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव शर्मा और महासचिव कमल कृष्ण शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से भेंट की और एसोसिएशन की विभिन्न मांगों से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने देश के दो गणराज्यों असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद में भड़की हिंसा पर चिंता प्रकट करते हुए कहा है कि स्वतंत्र भारत मे पहलीं बार दो राज्यों के बीच सीमा विवाद को लेकर इस प्रकार की हिंसा से देश की आंतरिक सुरक्षा को एक बड़ा खतरा उत्तपन हो गया है। इस संघर्ष का पूरे विश्व मे भारत के प्रति एक गलत संदेश गया है। उन्होंने इसके लिए केंद्र की मोदी सरकार को दोषी ठहराते हुए कहा है कि देश के भीतर राज्यों के किसी भी प्रकार के विवाद को समय रहते सुलझाया जाना चाहिए, जिससे किसी भी प्रकार के तनाव या विवाद से बचा जा सकें। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में सीमा विवाद है, वहां कमोबेश ऐसी पुनरावृत्ति न हो, इसे समय रहते हल किया जाना चाहिए। कुलदीप राठौर ने आज यहां कहा कि केंद्र सरकार को इन दोनों राज्यो के सीमा विवाद की पूरी जानकारी है,बाबजूद इसके इसे सुलझाने के कोई भी सार्थक प्रयास न किये जाने से साफ है कि गृह मंत्रालय जानबूझकर इसे नजरअंदाज करता रहा है।उन्होंने कहा कि पिछले साल से इन दोनों राज्यों की सीमा पर ज़मीनी विवाद और बढ़ते तनाव की बजह से बेगुनाह 6 पुलिस के जवान मारे गए। राठौर ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को इसका दोषी ठहराते हुए गृह मंत्री से अपने पद से त्यागपत्र देने की मांग करते हुए कहा है कि एक ओर देश के सैनिकों को विदेशी ताकतों से सीमाओं की रक्षा में अपनी जान गवानी पड़ रही है तो दूसरी तरफ देश के भीतर राज्यों के सीमा विवादों से झूझना पड़ रहा है।उन्होंने असम और मिजोरम के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए केंद्र से इस समस्या के जल्द निपटारे की मांग भी की है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सुरेखा चैपड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए ऐसे व्यक्ति जो आने वाले समय में अंतर्राष्ट्रीय यात्रा करने जा रहे हैं वह कोविशिल्ड वैक्सीन की दूसरी डोज 28 दिन के बाद तथा 84 दिन से पहले लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में अंतर्राष्ट्रीय यात्रा को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जिसमें जो छात्र पढ़ाई के संबंध में विदेश जा रहा हो, जो व्यक्ति किसी विदेश में नौकरी कर रहा हो या करने जा रहा हो तथा एथेलिट या भारतीय दल के खिलाड़ी और स्टाफ जो टोक्यो में आयोजित होने जा रहे अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक्स खेलों में भाग ले रहे हो। उन्होंने बताया कि इन श्रेणियों के लिए जिला में 30 जुलाई को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल शिमला में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किया जा रहा है। इसके उपरांत इन श्रेणियों के लिए 31 अगस्त तक प्रत्येक शुक्रवार को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल शिमला में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन श्रेणियों में आने वाले सभी लाभार्थी अपने सभी दस्तावेजों के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। दस्तावेजों में पहली खुराक का प्रमाण-पत्र, शिक्षा के संबंध में संवाद पत्र, नौकरी के संबंध में साक्षात्कार काॅल नौकरी ऑफर या रोजगार से संबंधित पत्र, टोक्यो ओलंपिक में नामांकन पत्र तथा पासपोर्ट काॅपी होनी अनिवार्य है।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार राज्य के अन्य जिलों के साथ-साथ सोलन जिला में भी प्रथम अगस्त से 31 अगस्त, 2021 तक क्षय रोग सक्रिय मामला खोज अभियान (टीबी एक्टिव केस फाइडिंग कैम्पेन) कार्यान्वित किया जाएगा। कृतिका कुल्हारी आज यहां अभियान के सम्बन्ध में जिला क्षय रोग निवारण समिति के तहत गठित जिला कार्यबल की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा प्रथम अगस्त से 31 अगस्त, 2021 तक क्षय रोग मुक्त हिमाचल अभियान कार्यान्वित किया जाएगा। इस अवधि में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत घर-घर जाकर क्षय रोग के मामलों का पता लगाया जाएगा। अभियान के तहत क्षय रोग मामलों की खोज के लिए सघन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उपायुक्त ने कहा कि क्षय रोग एक्टिव केस अभियान के तहत सोलन जिला की 636609 जनसंख्या की मैपिंग की जाएगी। इसका उद्देश्य जिला में क्षय रोग के सक्रिय मामलों का पता लगाकर उनको समुचित उपचार उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि जिला की सभी 240 ग्राम पंचायतों, नगर निगम सोलन, सभी नगर परिषदों तथा नगर पंचायतों में क्षय रोग उन्मूलन के लिए यह अभियान कार्यान्वित किया जाएगा। उन्हांेने कहा कि ऐसे सभी समूहों की सघन जांच की जाएगी जो किसी कारणवश क्षय रोग की चपेट में आ सकते हैं। कृतिका कुल्हारी ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन को निर्देश दिए कि जन-जन की मैपिंग के दौरान वरिष्ठ नागरिकों, छात्रावासों में रह रहे युवाओं, श्रमिकों एवं औद्योगिक कामगारों तथा झुग्गी झोंपड़ी के निवासियों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिला के प्रत्येक नागरिक तक यह जानकारी भी पहुंचाई जाए कि क्षय रोग का पूर्ण उपचार सम्भव है। इसके लिए यह आवश्यक है कि खांसी इत्यादि की स्थिति में समीप के स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करवाई जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सक की देखरेख में निर्धारित समय अवधि तक दवा लेने से क्षय रोग का पूर्ण उपचार सम्भव है। उन्होंने कहा कि लोगों को क्षय रोग के लक्षणों के सम्बन्ध में जागरू किया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने अभियान के तहत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि सोलन जिला में वर्तमान में क्षेत्रीय अस्पताल सोलन, टीबी सेनिटोरियम धर्मपुर, ईएसआई अस्पताल परवाणू, यूएचएफ नौणी, एमएमयू अस्पताल सुल्तानपुर, अन्नया क्लीनिकल लैब सोलन, बाल मुकुन्द एपेक्स अस्पताल सोलन, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नालागढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बद्दी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जोघों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रामशहर, नागरिक अस्पताल अर्की, ईएसआई दाड़लाघाट, नागरिक अस्पताल कुनिहार, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भूमती, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चण्डी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पट्टा, ईएसआई आदर्श अस्पताल काठा, ईएसआई बद्दी, कुठाड़, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सायरी, नागरिक अस्पताल कण्डाघाट तथा नागरिक अस्पताल चायल में क्षय रोग परीक्षण की सुविधा उपलब्ध है।
डाडासीबा में मंगलवार को नई पेंशन स्कीम कर्मचारी एसोसिएशन उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर से कांगड़ा जिला प्रधान राजिंदर मन्हास की अगुवाई में मिली। 2009 की अधिसूचना को मानसून सत्र में जारी करने के लिए उनसे आग्रह किया। राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष वैद्य ने बताया कि केंद्र सरकार 2009 से केन्द्रीय कर्मचारियों को एक प्रावधान के तहत सेवा के दौरान मृत्यु पर परिवार को पेंशन का लाभ दे रही है। अब केन्द्र सरकार ने नियम बना दिया है, जिसे देश की आठ राज्यों की सरकारें अपने राज्य के एनपीएस कर्मचारियों को इस नियम के तहत लाभ दे रही है। परंतु हिमाचल में अभी तक यह लाभ प्रदेश सरकार ने जारी नहीं किया है। वहीं उद्योग मंत्री ने कहा कि अति शीघ्र मुख्यमंत्री के समक्ष कर्मचारियों की इस मांग को वे प्रमुखता से उनके समक्ष रखेंगे। विधानसभा क्षेत्र जसवां परागपुर से लगभग 70 एनपीएस कर्मचारीयों के साथ-साथ रक्कड़ खण्ड प्रधान जीवानन्द, देहरा पीटीएफ प्रधान अनिरुद्ध गुलेरिया, डाडासीबा खंड प्रधान विवेक कंवर, सिंचाई विभाग से अजय कुमार, वन विभाग से सुनील और उनकी टीम शामिल रही।
कारगिल विजय दिवस की 22वीं वर्षगांठ पर उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने वीर नारियों, शहीदों के परिजन और भूतपूर्व सैनिक को सम्मानित किया। डाडासीबा में आयोजित कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम में मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर योद्धाओं को याद कर नमन किया गया। उद्योग मंत्री ने इस अवसर पर बलिदानी वीरों की तस्वीरों पर श्रद्धासुमन अर्पित किये। कार्यक्रम में वीर चक्र कैप्टन सुशील कुमार, सेवानिवृत लेफ़्टिनेंट कमांडर आर.एस. पटियाल एवं नौसेना के कमांडर राजेश्वर ने विशेष रूप से उपस्थित रहकर अपने युद्ध अनुभव साझा किए। उद्योग मंत्री ने यहां भूतपूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय सेना में हिमाचल प्रदेश से सैनिकों का योगदान और भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण तथा अविस्मरणीय रही है। हिमाचल के वीर सपूतों ने समय-समय पर अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपनी वीरता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि सेना के सर्वोच्च सम्मान परमवीरचक्र, सर्वप्रथम प्रदेश के शहीद मेजर सोम नाथ शर्मा को प्राप्त करने का गौरव प्राप्त है। कारगिल युद्ध में अदम्य साहस के लिये शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा तथा वीर सैनिक संजय कुमार को परमवीर चक्र से नवाजा गया है। उन्होंने कैप्टन सौरभ कालिया एवं कैप्टन अमोल कालिया के अमूल्य योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि सरकार सैनिकों और भूतपूर्व सैनिकों के मान-सम्मान तथा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिये बचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि सैनिकों को सम्मान भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपयी के कार्यकाल में प्राप्त हुआ जब शहादत के पश्चात वीर सैनिकों की पार्थिव देह को घरों तक सम्मान पूर्वक पहुंचाकर राष्ट्रीय सम्मान से संस्कार किया जाने लगा। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश के करोड़ों भूतपूर्व सैनिकों की वर्षों पुरानी मांग वन रैंक वन पेंशन को पूरा कर अरबों रुपये के वित्तीय लाभ भूतपूर्व सैनिकों को उपलब्ध करवाए हैं। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारत के शौर्य, पराक्रम और बलिदान का पर्व है। जिससे प्रत्येक भारतवासी को राष्ट्रभक्ति और अनुशासन का संदेश मिलता है और युवा पीढ़ी को इन महान वीरों से प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए जवानों के परिजनों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता का भाव प्रकट किया। कार्यक्रम में बलिदानी वीरों के परिजन, कैप्टन संसार चंद, कैप्टन सूरिंदर सिंह, सेवानिवृत कमांडर अजय शर्मा, कैप्टन विजय जसवाल, ज़िला अध्यक्ष संजीव शर्मा, मंडलाध्यक्ष विनोद शर्मा, एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर, डीएसपी देहरा अंकित शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्ष पुरी, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग संदीप चौधरी, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग कुलदीप राणा, बीडीओ परागपुर कंवर सिंह, नायब तहसीलदार डाडासीबा अभिराय सिंह, रुपिंदर डैनी, कुलविंदर पठानिया सहित जसवां परागपुर विधान सभा क्षेत्र भूतपूर्व सैनिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जुलाई को 11 केवी बड़ोग फीडर स्थापित करने के दृष्टिगत 11 केवी रबौण फीडर की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी आज यहां बोर्ड के सहायक अभियन्ता दिनेश ठाकुर ने दी। दिनेश ठाकुर ने कहा कि इसके दृष्टिगत 29 जुलाई को प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन, हाउसिंग बोर्ड फेज-1 एवं फेज-2, रबौण, नेगी काॅलोनी, राधा स्वामी सत्संग एवं आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की है।
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना द्वारा संचालित युवा वर्ग को सोसाइटी द्वारा संचालित मां ज्वालासेंटर में मंगलवार को हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के निदेशक मनीष शर्मा द्वारा सेंटर में पढ़ रहे कोविड-19 फ्रंट लाइन वर्कर को भारत सरकार द्वारा दी गई ड्रेस प्रदान की गई। मां ज्वाला स्किल सेंटर के निदेशक नवरत्न गुप्ता ने बताया कि यह ट्रेनिंग भारत सरकार द्वारा निशुल्क करवाई जा रही है ताकि कोविड-19 की आने वाली तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए डॉक्टर वह हेल्थकेयर सेक्टर को सपोर्ट मिल सके उन्होंने बताया कि इन बच्चों की ट्रेनिंग के बाद हॉस्पिटल में ओजीटी के लिए भी भेजा जाएगा जिसमें इन्हें अपनी 3 महीने की और चींटी कलर करनी पड़ेगी उसके बाद इन्हें प्रशिक्षण पत्र भी दिए जाएंगे इसमें ट्रेनर कुमारी कल्पना, रुचि चौधरी, आरती गुप्ता, पूजा गुप्ता भी साथ रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने आदेश जारी करते हुए बताया कि जिला शिमला के अंतर्गत होने वाली निर्वाचन क्षेत्र-65 जुब्बल-कोटखाई में विधानसभा उप-चुनाव तथा 2 मण्डी लोकसभा उप-चुनाव के तहत आने वाले रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए जिला स्तरीय व्यय अनुश्रवण प्रकोष्ठ का गठन किया गया है, जिसके तहत अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) सचिन कंवल को अध्यक्ष, उपायुक्त कार्यालय के सहायक नियंत्रक वित्त बलबीर सिंह जिल्टा तथा निदेशक उच्च शिक्षा शिमला के सहायक नियंत्रक वित्त एस.के. भारद्वाज को सदस्य नियुक्त किया गया है।
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने आज आदेश जारी करते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक शिमला द्वारा रिज तथा माॅल रोड में पैदल आवागमन कर रहे लोगों के लिए तैयार की गई योजना को मंजूरी प्रदान की गई है। योजना के तहत तीन पुलिस जांच केन्द्र बनाए गए हैं, जिसमें सीटीओ, नजदीक हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय तथा रिगल (लक्कड़ बाजार) शामिल है। इसके अतिरिक्त सीटीओ, स्कैंडल प्वाइंट, नजदीक एचपीएमसी बूथ, चर्च, पदमदेव काॅम्पलेक्स, शेर-ए-पंजाब, स्पोर्टस काॅम्पलेक्स, नजदीक होटल कलाक्र्स तथा होर्स यार्ड नजदीक लक्कड़ बाजार पेड़ स्थानों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी, जो रिज तथा माॅल में यात्रियों तथा लोगों को बाईं दिशा में चलने के साथ बुजुर्ग तथा बीमार व्यक्ति को छोड़कर माॅल एवं रिज पर बैठने की अनुमति नहीं देंगे। उन्होंने बताया कि यह योजना रिज तथा माॅल पर भीड़ को नियंत्रित करने के साथ कोविड-19 प्रोटोकाॅल की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए तैयार की गई है।
कारगिल विजय दिवस के उपलक्षय पर ग्राम पंचायत सरयांज में अध्यक्ष हिमको हिमाचल प्रदेश रत्न सिंह पाल द्वारा वन मण्डल अधिकारी कुनिहार एचके गुप्ता की अध्यक्षता में देवदार का पौधा लगाकर वन परिक्षेत्र स्तरीय 72 वें वन महोत्सव का शुभारंभ किया गया। इस दौरान विशेष अतिथि व पंचायत के अन्य सदस्यों ने पौधरोपण कर कारगिल में शहीद हुए जवानों को याद कर श्रदांजलि दी। अध्यक्ष हिमको हिमाचल प्रदेश रत्न सिंह पाल द्वारा लोगों को वन महोत्सव की बधाई दी गई तथा लोगों से वनों व अपनी निजी भूमि में ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर इनके संरक्षण के लिए वन विभाग के साथ सहयोग की अपील की। इस मौके पर पंचायत के माध्यम से सरयांज पंचायत के भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर वनमंडल अधिकारी कुनिहार एचके गुप्ता द्वारा भी देवदार का पौधा लगाकर स्थानीय लोगों को वनों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई व अपील की गई कि पर्यावरण संरक्षण के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर इनके संरक्षण में वन विभाग के साथ अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। वन परिक्षेत्र दाड़लाघाट के वन परिक्षेत्र अधिकारी किशोरी भारद्वाज व समस्त वन खंड अधिकारी व वन रक्षकों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी पूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत सरयांज के प्रधान रमेश ठाकुर व पंचायत के सभी सदस्यों ने भी इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपना पूर्ण सहयोग दिया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्या भुवनेश्वरी, बीडीसी सदस्या रीता देवी, प्रधान ग्राम पंचायत सरयांज रमेश ठाकुर, उपप्रधान प्रकाश गौतम, भूतपूर्व प्रधान संत राम सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिमला नगर में अमरूत योजना के तहत विभिन्न विकास कार्यों पर 238.44 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है। यह जानकारी आज शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन, विधि, संसदीय कार्य एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने आज संजौली के ढिंगुधार में अमरूत योजना के तहत 2.50 करोड़ रुपये से निर्मित पार्किंग व पार्क का उद्घाटन करने के उपरांत दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत शिमला नगर में प्रस्तावित 47 कार्यों में से 32 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जिस पर लगभग 155 करोड़ रुपये की राशि व्यय की गई है। उन्होंने बताया कि मल्याणा, ढली, लालपानी, सीवरेज प्लांट को स्तरोन्नत करने का कार्य इस योजना के अधीन किया जाएगा। संजौली, सांगटी, इंजनघर के लोगों के लिए जलापूर्ति की निरंतरता को बनाए रखने के लिए 14 करोड़ रुपये की योजना पर युद्ध गति से कार्य किया जा रहा है। शिमला नगर में लगभग 1400 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था के विकास के लिए कार्य किया जा रहा है, जिसमें से 700 गाड़ियों के लिए निर्माण किया जा चुका है। शिमला नगर में 5 फुट ओवर पुलों का निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनमें से 2 फुट ओवर का निर्माण कर दिया गया है। शिमला नगर में निर्धारित 32 किलोमीटर पैदल मार्ग का निर्माण किया जा चुका है जबकि ओकओवर के समीप अत्याधुनिक पार्क का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज ढिंगु मंदिर के समीप 1.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पार्किंग का निर्माण किया गया, जिसमें 70 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इसके अतिरिक्त अन्य पार्किंग जो 45 लाख रुपये की लागत से बनाई गई है, में लगभग 30 गाड़ियों को पार्क किया जा सकेगा। 27 लाख रुपये की लागत से पार्क का निर्माण किया गया है, जो इस क्षेत्र के बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए अत्यंत उपयोगी होगा। इसके अतिरिक्त ढिंगु मंदिर रास्ते को भी अति आधुनिक रूप से निर्मित किया गया है, जिस पर लगभग 15 लाख रुपये की राशि व्यय की गई है। उन्होंने बताया कि संजौली और इसके आस-पास के क्षेत्रों के तहत ढली में सामुदायिक भवन के साथ-साथ पार्किंग का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिस पर 3 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। संजौली चैक पर फुट ओवर निर्माण का कार्य किया जा रहा है, जिस पर 2 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि शिमला नगर का विकास बिना किसी भेदभाव के प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सबको साथ लेकर चलने और सभी वर्गों व क्षेत्रों के विकास को बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा सतत् रूप से कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में पार्षद अर्चना धवन, डाॅ. किमी सूद, आशा शर्मा, आरती चौहान, राजेन्द्र चौहान, दीपक शर्मा, जसविन्द्र, राकेश चौहान, सिमी नंदा, शैली शर्मा, कमलेश मेहता, रेणु चौहान, आनंद कौशल, दिवाकर देवव्रत शर्मा, आयुक्त नगर निगम आशीष कोहली, संयुक्त आयुक्त अजीत भारद्वाज, अधिशाषी अभियंता नगर निगम राजेश, किसान मोर्चा के संजीव चौहान, भाजपा कार्यकर्ता प्रेम सिंह चौहान, संदीप कांत शर्मा, विनायक एसोसिएट के मुकेश वर्मा व एमएस बगानिया भी उपस्थित थे।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन की एनएसएस इकाई के स्वयंसेवियों ने कारगिल विजय दिवस पर कई रचनात्मक गतिविधियों के द्वारा समाज को जागरूक किया। इस अवसर पर स्वयंसेवियों ने पौधारोपण कर समाज को पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। हिमानी भगत ने शहीदों के बलिदान को भावुक कविता के माध्यम लोगों तक पहुंचाया। कार्यक्रम अधिकारी पीसी बट्टू ने सैनिकों के पराक्रम की गाथा बच्चों को सुनाई और बताया कि सेना में भर्ती हो कर वे राष्ट्र की सेवा कर सकते हैं। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने सभी स्वयंसेवकों का हौसला बढ़ाते हुए करगिल के शहीदों को नमन किया तथा बरसात के मौसम में पौधे लगाने का आह्वान किया।
पूर्व संस्कृत अकादमी सचिव डॉ मस्त राम शर्मा को कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है। डॉ मस्त राम शर्मा ने इस नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष व चीफ पैट्रन सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राष्ट्रीय कांग्रेस राहुल गांधी, राजीव गांधी ब्रिगेड (कांग्रेस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम फूलबारी, महासचिव सुरेश अलोरिया, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, राष्ट्रीय महासचिव सुरेश कुमार अवस्थी का आभार व्यक्त किया है। डॉ मस्त राम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के विकास व गरीब महिलाओं के उत्थान के लिए जनहित की समस्याओं के लिए कांग्रेस पार्टी का पूर्ण सहयोग करूँगा। उन्होंने अर्की विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक एवं छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीर भद्र सिंह की दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि अब अर्की में उपचुनाव कराए जाने हैं जिसमें अर्की की जनता फिर से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी को विजयी बनाकर विधानसभा में भेजेगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई है की डॉ मस्त राम शर्मा के नेतृत्व में संगठन मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।
सोलन जिला नंबरदार यूनियन की बैठक सबतहसील दाड़लाघाट में नायब तहसीलदार इंद्र कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में भाग लेते हुए नंबरदारों ने प्रस्ताव पारित किया कि सरकार द्वारा जारी की गई 2006 की उस अधिसूचना को रद्द किया जाए जिसके अंतर्गत नंबरदारों की शैक्षणिक योग्यता कम से कम मैट्रिक रखी गई है। प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि इस पद पर नंबरदार कई दशकों से कार्य कर रहे हैं लेकिन उनकी कार्यशैली के विरुद्ध कोई शिकायत नहीं है। अतः जिन नम्बरदारों के पास अभी मैट्रिक का प्रमाण पत्र नहीं है, उन्हें इस अधिसूचना को रद्द कर उसमें छूट दी जाए। इस दौरान बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री भीम सिंह चौहान, जिला प्रधान राजेंद्र ठाकुर, उपतहसील दाड़ला के प्रधान नंद लाल ठाकुर, महासचिव अर्की प्रताप सिंह, महासचिव दाड़ला कुलदीप चंदेल, कोषाध्यक्ष अनीता शर्मा, मंसाराम ठाकुर, तीर्थ राम शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू में कथा वाचन की प्रतियोगिता का आयोजन ऑनलाइन माध्यम से किया गया। पाइनग्रोव ने जहाँ कोरोना काल में बच्चों की पढ़ाई को सुचारू ढंग से चला रखा है, वहीं अनके व्यकितत्व को संवारने के लिए सयम-सयम पर विभिन्न ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। इससे विद्यार्थी न केवल किताबों एवं गृहकार्य करने में व्यस्त रहते हैं बल्कि उन्हें अन्य गतिविधियों में भाग लेने का भी मौका मिलता है। पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू के विद्यार्थियों ने रचनात्मक प्रॉप्स, वॉयस मॉड्यूलेशन और प्रभावशाली अभिव्यक्तियों का उपयोग करके अपनी पसंदीदा कहानियों का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों को छठी से बारहवीं कक्षा तक तीन श्रेणियों में बाँटा गया था। प्रत्येक प्रतिभागी द्वारा सुनाई गई कहानी ने एक प्रभावशाली संदेश दिया। इस प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग से यामिनी सिंह ने अपनी कहानी सुनाकर सभी को प्रभावित किया और प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। रुद्र प्रताप सिंह राजपूत कनिष्ठ वर्ग में ही दूसरे स्थान पर रहे। माध्यमिक वर्ग में भोर दीक्षित और कायरा दत्ता ने क्रमश: पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। वरिष्ठ वर्ग में लव्या भसीन ने अपनी कथा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करके प्रथम स्थान हासिल किया जबकि इसी श्रेणी में रेया दत्त दूसरे स्थान पर रहीं ।
नूरपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज दोपहर को सड़क किनारे भारी भरकम चट्टान खिसक कर कार पर गिर गई। जैसे ही निकटवर्ती लोगों ने कार पर चट्टान गिरते ही देखी तो हाहाकार मच गया। मौके पर मौजूद तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। कड़ी मेहनत के बाद कार से कार चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायल व्यक्ति की पहचान अवतार सिंह निवासी बडूखर के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति को तुरंत नूरपुर अस्पताल ले जाया गया। इस हादसे में अवतार सिंह की टांग फ्रैक्चर हुई है। जानकारी अनुसार अवतार सिंह अपनी गाड़ी एचपी 97-4533 से धर्मशाला से अपने घर बडूखर जा रहा था कि नूरपुर में अचानक उसकी कार पर चट्टान गिर गई। एसएचओ कल्याण सिंह ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दो दिन पहले भी देर रात को हादसे वाले स्थान के निकट भारी भरकम चट्टान सड़क पर गिर गई थी जिससे करीब दो घंटे पठानकोट - मंडी नेशनल हाइवे पर जाम रहा लेकिन लोक निर्माण विभाग ने तब रात को साढ़े 12 बजे यातायात बहाल कर दिया था।
एसडीम कार्यालय पालमपुर तथा उपतहसील सुलाह में एक-एक अंशकालीन सफाई कर्मचारी की भर्ती अस्थाई तौर पर की जानी है।एसडीम पालमपुर, डॉक्टर अमित गुलेरिया ने बताया कि 18 से 45 आयु वर्ग के अभ्यर्थी जिनकी शैक्षणिक योग्यता पांचवी पास हो 16 अगस्त सायं 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। 20 और 21 अगस्त को प्रार्थना पत्रों की छानबीन के लिये निर्धारित किया गया। उन्होंने बताया कि इछुक व्यक्ति अपना आवेदन साधारण प्रार्थना पत्र पर संबंधित दस्तावेज/प्रमाण पत्रों की स्वयं प्रमाणित छायाप्रतियों सहित उपमंडल अधिकारी नागरिक कार्यालय पालमपुर एवं उप तहसील कार्यालय सुलाह में जमा करवा सकता हैं।
हिमाचल के सबसे बड़े जिल कांगड़ा में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां बेटी के कन्यादान बाद सुसराल पक्ष द्वारा आयोजित किए गए कार्यक्रम से वापिस घर लौट रहे परिवार की कार दुर्घटना का शिकार हो गई। नंदरूल कांगड़ा से फरना रानीताल जा रहे एक परिवार की कार रानीताल में सड़क पर गिरी चट्टानों से टकरा गई। टक्कर में कार सवार एक व्यक्ति की मौत पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें टांडा में भर्ती किया गया है। लेकिन उनमे से एक और महिला की भी टांडा में आज मौत हो गई। मृतक की पहचान राम चंद (52) पुत्र रणिया राम निवासी फरना पंचायत रानीताल तहसील व जिला कांगड़ा व मृतक राम चंद की माता निर्भा देवी (68) के रूप में हुई है। दो घायल सुमना देवी (35) पत्नी तिलक राम राम व तिलक राम (40) पुत्र रणिया राम गंभीर रूप से घायल हैं। इनका उपचार चल रहा है। स्थिति गंभीर बनी हुई है। परिवार बेटी के ससुराल से वापस लौट रहे थे। राम चंद की बेटी की रविवार को ही शादी हुई थी। रविवार को बेटी की बारात पहुंची थी और सोमवार सुबह बेटी की विदाई हुई। बेटी के सुसराल पक्ष ने कार्यक्रम आयोजित किया था। इसलिए राम चंद का परिवार बेटी की ससुराल नंदरुल गया हुआ था। वहां बेटी को खुशियां भरा आशीर्वाद देकर अपने परिवार के साथ राम चंद अपने घर फरना के लिए रवाना ही हुए थे कि खुशियां पल भर में मातम में बदल गई।
हिमाचल में बरसात शुरू होते ही नुकसान शुरू हो गया है। राजधानी शिमला में आइजीएमसी अस्पताल के नजदीक एक दो मंजिला पुराना भवन पूरी तरह से जमीन में मिल गया।यह मकान आइजीएमसी से शिमला की ओर आने वाले रास्ते पर मनचंदा दवा की दुकान के बिल्कुल सामने बना बना था। उस भवन को नगर निगम ने कई साल पहले से अनसेफ घोषित कर दिया था, लेकिन किराएदार और मालिक के विवाद के चलते इस भवन को गिराया ना जा सका। भवन में एक ही व्यक्ति रहता था। इसका और मकान मालिक का आपस में विवाद चल रहा था। बीती रात पुराना लकड़ी से बना हुआ भवन पूरी तरह से मिट्टी बन गया। शहर में कई ऐसे भवन हैं जिन्हें नगर निगम ने अनसेफ घोषित किया है। नगर निगम शिमला 150 से ज्यादा भवनों को अनसेफ घोषित किया है। इन भवनों में लोगों को रहने की अनुमति नहीं होती है, लेकिन अधिकतर मामलों में विवाद न्यायालय तक पहुंचने के चलते इन्हे खाली नहीं करवाया जा सकता है। इसलिए निगम के अनसेफ घोषित होने के बावजूद इन भवनों में लोग अपनी जान जोखिम में डाल कर रह रहे हैं। नियमों के मुताबिक निगम इनके बिजली पानी काट सकता है, लेेकिन किराएदार व मकानमालिक के बीच में चल रहे विवाद के चलते निगम कार्रवाई नहीं कर सकता है।
कुनिहार के समीप गाँव रिंवी के युवाओं ने रिंवी सड़क मार्ग के साथ 101 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। रिंवी के युवाओं ने सभी से पौधे लगाने की अपील की। गांव के युवा मनु भारद्वाज ने बताया कि गांव के युवाओं ने इकठ्ठे होकर सड़क के दोनों ओर जामुन, आम, संतरा, मौसमि, कीनू, निम्बू, भेड़ा, आंवला, करयाली, अरड आदि के 101 छायादार व फलदार पौधे लगाए। साथ ही उन्होंने इन पौधे की समय-समय पर देखरेख कर इनकी सुरक्षा का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर दिवेश, मनु ,वानु,अखिल, सोनू, साहिल, परीक्षित, कमल, सुभाष, बृजेश व संदीप आदि मौजूद रहे। इन सभी युवाओं ने पौधारोपण में अपना सहयोग दिया।
मंडी-पठानकोट हाईवे पर सोमवार दोपहर बाद गुम्मा के नजदीक अचानक पहाड़ी दरकने से यातायात करीब दो घंटे तक बाधित रहा। इस दौरान सड़क के दोनों और वाहनों की कतारें लग गईं। इससे वाहनों में सवार यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। पहाड़ दरकने से किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। बाद में लोनिवि ने कर्मचारियों और मशीनरी से मार्ग को बहाल कर यातायात सुचारु किया। हिमाचल प्रदेश के दस जिलों में मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान प्रदेश में भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। लोगों से नदी और नालों के समीप नहीं जाने की अपील की गई है। एक अगस्त तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। सोमवार को राजधानी शिमला में दिन भर बारिश का दौर जारी रहा। जिला कांगड़ा में रविवार देर रात से सोमवार सुबह करीब 11 बजे तक बारिश हुई। भारी बारिश के कारण उपमंडल इंदौरा में मंड क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत ठाकुरद्वारा और मलकाना को जोड़ने वाली कच्ची पुलिया बह जाने से मलकाना, फलाई, मेरा व ढसोली आदि गांवों का ठाकुरद्वारा से संपर्क टूट गया। लोक निर्माण विभाग के धर्मशाला उपमंडल में चार सड़कों पर मलबा आ जाने से यहां आवाजाही बंद हो गई थी। विभाग ने मलबा हटाकर सुबह तक इन्हें आवाजाही के लिए बहाल कर दिया।
बटसेरी में लैंड स्लाइड की घटना के बाद पर्यटकों को किन्नौर न आने की सलाह दी गई है। इसके लिए किन्नौर डीसी ने एक एडवाइजरी भी जारी की है। लैंड स्लाइडिंग की जांच करने के लिए सर्वे ऑफ इंडिया की टीम चंडीगढ़ से आएगी। यह टीम जांच करने के बाद रिपोर्ट तैयार करेगी और लोक निर्माण विभाग छितकुल-सांगला संपर्क मार्ग का निरीक्षण करेगा । इन दोनों जांच के बाद लोक निर्माण विभाग जब फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करेगा, उसके बाद ही सड़कें खोली जाएंगी, तब तक सभी सड़कें बंद रहेंगी फिलहाल वाहनों की आवाजाही बैन रहेंगी। इसलिए जिन टूरिस्टों ने किन्नौर आने का प्लान बनाया है, वो कैंसल कर दें, ताकि अब आगे ऐसा वीभत्स हादसा न हो।
कारगिल विजय दिवस सोमवार को जिले भर में उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिला मुख्यालय के शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा स्मारक पर आयोजित समारोह में विधायक नरेंद्र ठाकुर, उपायुक्त देबश्वेता बनिक और अन्य अधिकारियों तथा भूतपूर्व सैनिकों ने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उपायुक्त ने अपने कार्यालय परिसर में अधिकारियों तथा कर्मचारियों को देश की एकता और अखंडता की रक्षा की शपथ दिलाई। इस बार कारगिल विजय दिवस पर उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने जिला के सभी कारगिल शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को उच्च सम्मान एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए इन वीर सपूतों के परिजनों को विशेष कार्ड और सम्मान सामग्री प्रेषित की। जिला के सभी एसडीएम और बीडीओ ने शहीदों के परिजनों के घर जाकर उन्हें उपायुक्त की ओर से ये कार्ड और सम्मान सामग्री भेंट की। उपायुक्त ने बताया कि कारगिल शहीदों के सर्वोच्च बलिदान के प्रति कृतज्ञता और सम्मान प्रकट करते हुए जिला प्रशासन ने इस बार इन वीर सपूतों के परिजनों को सम्मान सामग्री और विशेष कार्ड उनके घर पहुंचाए हैं। इसके साथ ही शहीदों के परिजनों को हैंड सेनिटाइजर्स और मास्क भी दिए गए हैं। उधर, शहीदों के परिजनों ने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का सम्मान करने के लिए उपायुक्त का आभार व्यक्त किया है।
सिरमौर के शिलाई में बीडीओ कार्यालय में कारगिल विजय दिवस की 22वीं वर्षगाँठ पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कारगिल में शहीद हुए वीर जवानो को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस दौरान बीडीओ शिलाई विनीत ठाकुर द्वारा सेवानिवृत जवानों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सभी कर्मचारियों ने शपथ भी ग्रहण की। विनीत ठाकुर ने कहा की जवानों की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा निदेशक को महाविद्यालय के दाखिले में पुन: "स्पोर्ट्स एंड कल्चरल" कोटा की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रांत मंत्री विशाल वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि नए सत्र हेतु प्रदेश के सैकड़ों महाविद्यालयों में 26 जुलाई से दाखिले शुरू हो गए है जिसमें शिक्षा विभाग ने नए रोस्टर को लागू करते हुए दाखिले करवाने का निर्णय लिया है जिसमें "स्पोर्ट्स एंड कल्चरल" कोटा को खत्म किया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इस निर्णय की कड़ी निंदा करती है। विशाल ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों को बढ़ावा दिया जाना अत्यंत आवश्यक है ताकि वर्तमान युवा पीढ़ी को नशाखोरी जैसे कुविचारों से दूर रखा जाए। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में जो युवा अपना भविष्य बनाना चाहते है और देश का नाम खेल के क्षेत्र में रोशन करना चाहते है ये निर्णय उन छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। वर्तमान समय में टोक्यो ओलंपिक में भारत देश बढ़चढ़ कर भाग ले रहा है जिसमें 3 युवा हिमाचल प्रदेश के भी अपनी प्रतिभा का हुनर दिखा रहे है जो सभी देवभूमि के लोगों के लिए गौरव का विषय है, ऐसे समय में खेल को और अधिक तवज्जों देने के बजाय "स्पोर्ट्स एंड कल्चरल" कोटा को खत्म करना खिलाड़ियों का मनोबल गिराने जैसा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने उच्च शिक्षा निदेशक को महाविद्यालयों में पुन: "स्पोर्ट्स एंड कल्चरल" कोटा को शुरू करने की मांग रखी है, शिक्षा निदेशक ने विद्यार्थी परिषद द्वारा उठाई गई मांग को वास्तविक मांग बताते हुए शीघ्र विभाग की बैठक बुलाने और इस मांग को पूरा करने के बारे में उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।
डॉ. वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) के निवारण तंत्र के लिए गठित आंतरिक समिति के सदस्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण राष्ट्रीय महिला आयोग के सहयोग से हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा ऑनलाइन और ऑफलाइन मोड में आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर मुख्य अतिथि रही। प्रशिक्षण सत्र में कुलपति डॉ. परविंदर कौशल और कुलसचिव प्रशांत सरकेक समेत समिति के सदस्यों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए डॉ डेज़ी ठाकुर ने सभी कर्मचारियों और छात्रों को गठित समिति के बारे में जागरूक करने और किसी भी शिकायत के मामले में उसे कैसे संपर्क किया जा सकता है, इसके प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्यों के नाम परिसर में प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाएं। डॉ.डेजी ने कहा कि लंबे समय से समिति के सदस्यों को प्रशिक्षित करने की मांग रही थी ताकि वे अधिनियम के तहत अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन कर सकें और इसलिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। उन्होंने सदस्यों से ऐसे मामलों में गोपनीयता सुनिश्चित करने और प्रतिवादियों को उचित अवसर देने का भी आग्रह किया। प्रशिक्षण आयोजित करने के लिए महिला आयोग को धन्यवाद देते हुए कुलपति डॉ.परविंदर कौशल ने कहा कि समिति के सदस्यों को दी गई जानकारी इस विषय के बारे में जागरूकता फैलाने में काफी मददगार साबित होगी। उन्होंने सदस्यों से कहा कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने कामकाज में सुधार के लिए लागू करें। डॉ. कौशल ने कहा कि इन कानूनों और निवारण तंत्र से सभी को अवगत करवाया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य महिला आयोग के सहयोग से सदस्यों के लिए नियमित प्रशिक्षण और वेबिनार जैसे वर्चुअल माध्यम से छात्रों के बीच इस जानकारी का प्रसार होना चाहिए। मुख्य परिसर के दो महाविद्यालयों की आंतरिक समिति की सदस्य डॉ सुनीता चंदेल, डॉ मीनू सूद, डॉ डी पी शर्मा, डॉ आर के अग्रवाल, सीमा वर्मा और नीलम ठाकुर ने प्रशिक्षण में भाग लिया। नेरी और थुनाग महाविद्यालयों की आंतरिक समितियों के सदस्यों ने भी ऑनलाइन रूप से कार्यक्रम में भाग लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव के दृष्टिगत विभिन्न नोडल अधिकारियों को भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। कृतिका कुल्हारी आज यहां उपचुनाव के दृष्टिगत नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि स्वतन्त्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन के लिए यह आवश्यक है कि सभी नोडल अधिकारी दिए गए कार्य को समय पर पूर्ण करें और विभिन्न व्यवस्थाओं को निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्थापित करें। उन्होंने कहा कि समय पर व्यवस्था पूर्ण कर स्वतन्त्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन में सहायता मिलेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी शहजा़द आलम को डाक मत पत्र के सम्बन्ध में विस्तृत निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि आयोग ने निर्णय लिया है कि यदि 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाता, दिव्यांग मतदाता एवं अस्पताल में उपचाराधीन कोविड-19 पॉजिटिव मतदाता चाहें तो वे डाक मत पत्र का प्रयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में निर्वाचन अधिकारी अर्की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित बनाएं और विधानसभा क्षेत्र का सर्वेक्षण कर डाक मत पत्र प्रयोग करने की इच्छुक इन श्रेणियों की जानकारी प्राप्त करें। उपचुनाव की घोषणा होते ही आदर्श आचार संहिता लागू होगी। उन्होंने आदर्श आचार संहिता लागू होने के उपरान्त निश्चित समय अवधि में पूर्ण किए जाने वाले कार्यों के सम्बन्ध में विस्तृत विचार-विमर्श किया और उचित दिशा-निर्देश जारी किए। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य के लिए नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियां को पूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उप चुनाव में केवल उन्हीं अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी जो 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने भारत संचार निगम लिमिटिड को निर्देश दिए कि 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के लिए संचार योजना एवं वेबकास्टिंग नेटवर्क स्थापित किया जाए। तहसीलदार निर्वाचन राजेन्द्र शर्मा ने उप चुनाव के सम्बन्ध में भारत के निर्वाचन आयोग द्वारा प्राप्त निर्देशों एवं विभिन्न नोडल अधिकारियों के कार्यो। की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, उपमण्डलाधिकारी एवं निर्वाचन अधिकारी अर्की शहज़ाद आलम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन अशोक कुमार वर्मा, सहायक आयुक्त भानु गुप्ता, जिला पर्यटन विकास अधिकारी रति राम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, जिला सूचना अधिकारी संजीव, राज्य कर एवं आबकारी विभाग सोलन के उप आयुक्त हिमांशु आर. पंवर, राज्य कर एवं आबकारी विभाग बद्दी के उप आयुक्त वरूण कटोच सहित अन्य नोडल अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि पौधरोपण कार्यक्रमों में जन सहभागिता के माध्यम से ही हरित आवरण में आशातीत वृद्धि की जा सकती है। डॉ. सैजल आज सोलन जिला के कण्डाघाट उपमण्डल के चायल की ग्राम पंचायत झाझा के महोग में युवा मोर्चा सोलन मण्डल द्वारा आयोजित वन महोत्सव एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर दाड़ू का पौधा रोपा। इस अवसर पर देवदार, दाड़ू व परसीमन इत्यादि के 200 पौधे रोपे गए। आयुष मंत्री ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीरगति को प्राप्त सैनिकों को कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं जिला वासियों की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि देशहित में सर्वोच्च बलिदान देने वाले असंख्य सैनिकों की शहादत को सदैव याद रखें और अपने कर्तव्य पथ पर सजगता एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ें। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी को देश के लिए अपने प्राण न्यौच्छावर करने वाले वीरों का इतिहास पढ़कर उसका अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम कभी भी वीरों के ऋण से उऋण नहीं हो सकते। उन्होंने इस अवसर पर पूर्व सैनिक नरेश, प्रदीप, सुनील, अनूप, आशीष, अनिल, मोहन सिंह ठाकुर और अमित को हिमाचली टोपी एवं मफलर पहनाकर सम्मानित किया। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजेश कश्यप, बघाट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता, भाजपा जिला महामंत्री नंदराम कश्यप, वरिष्ठ भाजपा नेता रविन्द्र परिहार, भाजपा मण्डल अध्यक्ष मदन ठाकुर, कोषाध्यक्ष योगेन्द्र वर्मा, भाजयुमो मण्डल सोलन के अध्यक्ष रोहित भारद्वाज, महामंत्री दिनकर, ग्राम पंचायत आंजी के उपप्रधान एवं भाजयुमो मंडल महामंत्री वैभव ठाकुर, ग्राम पंचायत चायल के उपप्रधान पंकज ठाकुर, ग्राम पंचायत झाझा के उप प्रधान मनीष ठाकुर, ग्राम पंचायत शामती के पूर्व प्रधान संजीव सूद, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डॉ विकास सूद, खण्ड विकास अधिकारी हेमचंद शर्मा, वन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
रोहड़ू एट्रोसिटी एक्ट मामले में रवि कुमार अध्यक्ष भीम आर्मी भारत एकता मिशन हिमाचल प्रदेश ने आरोप लगाए है कि गिरफ्तार व्यक्ति को बचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और अनुसूचित जाति के व्यक्ति को गलत तरीके से गिरफ्तार करवाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर कानून के दायरे से बाहर जाकर कोई कार्रवाई की गई तो सरकार और जिला प्रशासन इसका अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें। उन्होंने रोहड़ू में दलित समुदाय द्वारा प्रदेश कि जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि बेलगाम संगठन के लोगों को रोकने के लिए पुलिस द्वारा कोई भी कार्यवाही नहीं की जा रही है, जिसके कारण प्रदेश में जातीय दंगे भड़काने की साजिश चल रही है। उन्होंने सरकार को चेताया है कि अगर किसी भी प्रकार की स्थिति बिगड़ी तो उसके लिए सीधे तौर पर हिमाचल प्रदेश सरकार जिम्मेवार होगी।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने अर्की विधानसभा उपचुनाव के लिए विधायक एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ राजीव बिन्दल को प्रभारी, स्वास्थ्य मंत्री डॉ राजीव सैजल को सह प्रभारी तथा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल को संगठन समन्वयक नियुक्त किया है। उन्होनें कहा कि भाजपा ने प्रदेश में होने वाले उप चुनावों के मद्देनजर सांगठनिक तौर पर अपनी तैयारियां शुरू कर दी है और पार्टी पूरी एकजुटता के साथ इन उपचुनावो में जनता के बीच जाएगी और निश्चिततौर से इन उपचुनावो में जीत दर्ज करेगी।
सीटू राज्य कमेटी हिमाचल प्रदेश ने एचआरटीसी कर्मियों की मांगों के समर्थन में ओल्ड बस स्टैंड शिमला पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विजेंद्र मेहरा, बाबू राम, बालक राम, विनोद बिरसांटा, सुरेंद्र बिट्टू, दर्शन लाल, राकेश सलमान, पवन, विरेन्द्र लाल, सीता राम, चमन लाल, रीना, रजनी, केदार आदि शामिल रहे। सीटू ने प्रदेश सरकार से एचआरटीसी कर्मियों की मांगों को पूर्ण करने व क्षेत्रीय प्रबंधक का तबादला रद्द करने की मांग की है। सीटू ने ऐलान किया है कि अगर एचआरटीसी कर्मियों का आंदोलन आगे बढ़ता है तो सीटू भी प्रदेशव्यापी स्तर पर इसका समर्थन करेगा व इसमें शामिल होगा। सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा व महासचिव प्रेम गौतम ने कहा है कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक बेहतरीन बस सेवाएं देने वाले एचआरटीसी कर्मियों को प्रताड़ित करके उनके हौसलों को पस्त कर रही है। आज भी हिमाचल प्रदेश की विपरीत भौगोलिक परिस्थिति में हर व्यक्ति तक बस सेवा पहुंचाने का कार्य केवल एचआरटीसी कर्मी ही कर रहे हैं। इस विभाग की बेहतरी के लिए कार्य करने वाले अफसरों व कर्मियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। क्षेत्रीय प्रबंधक का तबादला भी इसी कड़ी का एक हिस्सा है। कर्मियों का गुस्सा केवल क्षेत्रीय प्रबंधक के तबादले तक सीमित नहीं है बल्कि निगम व कर्मियों के प्रति सौतेले भेदभाव के खिलाफ भी है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश सरकार का रवैया एचआरटीसी कर्मियों के प्रति हमेशा भेदभावपूर्ण रहा है। इस निगम के लिए सरकार की सहायता लगातार कम हो रही है। इसी का नतीजा है कि निगम के पेंशनरों को कई-कई महीनों तक पेंशन नहीं मिलती है। कर्मियों के ओवरटाइम वेतन का भुगतान कई महीनों तक नहीं होता है। घाटे के रूट एचआरटीसी को देकर इसे जान बूझकर हाशिये पर धकेलने की कोशिश की जा रही है व पूर्ण निजीकरण की कोशिशें हो रही हैं। ऐसी परिस्थिति में भी एचआरटीसी कर्मी बेहतरीन सेवाएं देते रहे हैं परन्तु उन्हें ईनाम की जगह तबादले व प्रताड़ना मिल रही है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने एचआरटीसी को निगम के बजाए विभाग का दर्जा देने, पेंशनरों को समय पर पेंशन देने, कर्मियों को समय पर वेतन, ओवरटाइम व भत्तों का भुगतान करने, कच्चे कर्मियों को पक्का करने, बजट में बढ़ोतरी करने, रिक्त पदों को भरने, कर्मियों की प्रताड़ना बन्द करने, स्पेशल पे स्केल देने व कर्मियों के बस ठहरावों पर रहने की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
जसवां-परागपुर क्षेत्र के पांच स्थानों डाडासीबा, रक्कड़, परागपुर, बणी और शांतला में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता कैप्टन संजय पराशर ने की। इस मौके पर संजय ने पूर्व सैनिकों व वीर नारियों को स्मृति चिंह व शाल देकर सम्मानित भी किया। डाडासीबा में शहीद कैप्टन अमोल कालिया के पिता भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे। इस दौरान कैप्टन संजय ने कहा कि राष्ट्र की एकता व अखंडता के लिए हमें अपने वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान काे सदैव याद रखना चाहिए। कारगिल के युद्ध के मोर्चे पर देश के वीर सपूतों ने भारत की संप्रभुता की रक्षा करते हुए अपनी जान की परवाह नहीं की। 22 वर्ष पूर्व इन्हीं पराक्रमी जवानों की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को कारगिल में करारी शिकस्त दी थी। भारत पर अब तक कई युद्ध थोपे गए, लेकिन देश के साहसी जवानों ने हर बार दुश्मन को मुंह तोड़ जबाव दिया। भारतीय सैनिकोें ने देश की सीमाओं पर असाधारण संकल्प, पराक्रम व शौर्य का प्रदर्शन किया है। पराशर ने कहा कि देश की सेवा करने वाले सैनिक सीमा पर प्रहरी का कर्तव्य निभाने के साथ राष्ट्र के शांति मिशन, आपदा राहत के मानवीय कार्यों और आंतकवाद को रोकने जैसे कई मोर्चों में भी दिन-रात सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में पूर्व सैनिकों का भी अमूल्य योगदान है और कारगिल विजय दिवस पर वह उन्हें नमन करते हैं। कैप्टन अमोल कालिया के पिता सतपाल कालिया ने कहा कि उन्हें अपना बेटे के खाेने का गम है, लेकिन साथ ही पुत्र की शहादत पर नाज भी है। वहीं, कारगिल के युद्ध में भाग ले चुके सूबेदार मेजर वीर अभिमन्यु ने अपने अनुभव सांझा करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध जम्मू और कश्मीर के कारगिल जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के साथ हुआ था। पाकिस्तान की सेना ने इस इलाके पर कब्जा करने के लिए घुसपैठियों के नाम पर अपने सैनिकों को भेजा था। उनका मुख्य उद्देश्य लद्दाख और कश्मीर के बीच संबंध तोड़ना और भारतीय सीमा पर तनाव पैदा करना था। उन्होंने कहा कि उस समय घुसपैठिए शीर्ष पर थे, जबकि भारतीय सैनिक ढलान पर थे, बावजूद भारत ने विपरित परिस्थितयों में भी जंग जीती। कार्यक्रम में रक्कड़ पंचायत प्रधान जीवना देवी, गुरनबाड़ प्रधान वंदना देवी, डाडासीबा के उपप्रधान परमेश्वरी दास, गुरचरण सिंह चौहान, पूनणी के उपप्रधान तिलक राज, पूर्व प्रधान ममता कटवाल, रत्न सिंह राठौर, संजय धीमान, करतार सिंह, संजीव शर्मा, हरबंस लाल, पुनीत चौधरी, राजेन्द्र सिंह, सुरेश, करनैल और रणजीत सिंह भी मौजूद रहे।
कारगिल विजय दिवस की 22वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज खण्ड विकास कार्यालय धर्मपुर में शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। खण्ड विकास अधिकारी धर्मपुर सुभाष अत्री ने इस अवसर पर कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए सभी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सुभाष अत्री ने इस अवसर पर कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सेना के अदम्य साहस एवं देशहित में सर्वस्व न्यौच्छावर करने की परम्परा का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यदि हम सभी अपने कार्य को पूर्ण समर्पण एवं लगन के साथ पूरा करें तो हम उन असंख्य वीरों को सही मायनों में श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं। इस अवसर पर क्षेत्र के पूर्व सैनिक नायब सूबेदार हीरालाल, नायब सूबेदार सुरेश कौशल, नायब सूबेदार उत्तम तथा अवकाश पर आए हवलदार पूर्ण चन्द ने सैन्य जीवन के सम्बन्ध में अपने अनुभव साझा किए। इन सभी ने उपस्थित कर्मचारियों एवं अन्य से अनुरोध किया कि वह अपने परिवार में से कम से कम एक सदस्य को भारतीय सेना में अवश्य भेजें ताकि सभी भारतीय सेना की गौरवशाली परम्परा से जुड़े रहें। पंचायत समिति धर्मपुर की अध्यक्ष जमना देवी, उपाध्यक्ष मदन मोहन मेहता, खण्ड विकास अधिकारी धर्मपुर कार्यालय की अधीक्षक, पंचायत निरीक्षक अर्जुन राणा सहित अन्य इस अवसर पर उपस्थित रहे।
शिमला स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विकास नगर क्षेत्र में 14 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही है। इस बात की जानकारी शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन, विधि, संसदीय कार्य एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने 35 लाख रुपये से निर्मित 16 दुकानों के उद्घाटन समारोह के दौरान दी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत विकास नगर में सड़क के साथ बैठे तह बाजारियों के लिए यह 16 दुकानें निर्मित कर आबंटित की गई है। इन दुकानों के बनने से जहां सड़क के किनारे बैठे तह बाजारियों को दुकानों का लाभ प्राप्त होगा, वहीं शिमला शहर के सौंदर्यीकरण को भी लाभ प्राप्त होगा। कार्यक्रम के उपरांत शहरी विकास मंत्री नेे परियोजना के तहत विकास नगर में 11 करोड़ रुपये से निर्मित होने जा रही पार्किंग तथा 2 करोड़ 50 लाख रुपये से निर्मित होने वाली लिफ्ट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कार्यों को अक्तूबर, 2021 तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के तहत शिमला के सौंदर्यीकरण में तेजी लाई जाएगी तथा काॅमर्शियल काॅम्पलेक्स, नए मार्ग, फूटपाथ, स्ट्रीट लाईटें, सोलर पैनल, माॅडल स्कूल, पैदल पथ मार्ग तथा आधुनिकीकरण से बनने वाले पार्क तथा वृद्धजनों के लिए वर्षा शालिका शिमला में मुहैया करवाई जा रही है। सरकार द्वारा वल्र्ड बैंक के साथ एमओयू में हस्ताक्षर कर दिए गए है, जिसके तहत आने वाले समय में शिमला शहर के लोगों को पानी की कमी से नहीं जूझना पड़ेगा। इस अवसर पर महापौर नगर निगम शिमला सत्या कौंडल, उप-महापौर शैलेन्द्र चैहान, विकास नगर पार्षद रंजना भारद्वाज, कंगना धार पार्षद रिनू चैहान, जाखू पार्षद अर्चना ध्वन, खलीनी पार्षद पूर्ण चंद तथा नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली, उपमण्डलाधिकारी (ना.) ग्रामीण बाबू राम चैहान एवं अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
दाड़लाघाट के भराड़ीघाट में कारगिल विजय दिवस पर कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सपूतों के शौर्य को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नायब तहसीलदार इंद्र कुमार ने की। कार्यक्रम के प्रारंभ में वहां उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध में अपनी शहादत देने वाले वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। लीग के प्रधान कैप्टन हीरालाल ने "आसमां पर घर बनाऊं मेरा मकसद नहीं, मेरे वतन की जमीन ही मेरी जन्नत है" शब्दों द्वारा देश के प्रति अपनी श्रद्धाभक्ति को उजागर किया। उन्होंने कारगिल युद्ध की विस्तृत शौर्य गाथा का वर्णन करते हुए विक्रम बत्रा, सुधीर कुमार वालिया, कैप्टन अनमोल कालिया, कैप्टन सौरभ कालिया के शौर्य का वर्णन किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस कार्यक्रम में उपस्थित जिला परिषद सदस्य हीरा कौशल, पंचायत समिति कुनिहार की अध्यक्षा सोमा कौंडल, ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के प्रधान बंसी राम भाटिया, पंचायत रौड़ी की प्रधान रीना शर्मा, पंचायत बरायली की प्रधान डॉ रीता शर्मा, उपप्रधान हेमराज, उपप्रधान जीतराम बिट्टू, रोशन लाल ठाकुर, कैप्टन जेके भारद्वाज, बीआर भाटिया, ललित गौतम ने अपने अपने वक्तव्यों द्वारा शहीदों को नमन किया।
साहित्य कला मंच द्वारा प्रतिवर्ष दिए जाने वाले प्रतिष्ठित सम्मान “सुमेधा श्री”; के लिए दाड़लाघाट क्षेत्र से सम्बंध रखने वाले साहित्यकार, सेवानिवृत्त प्राध्यापक अमरदेव अंगिरस व इस क्षेत्र के पंचायत नवगांव के समलोह से सम्बंध रखने वाले डॉक्टर प्रेम लाल गौतम को अलंकृत किया गया। यह कार्यक्रम नालागढ़ रोपड़ रोड पर स्थित एक निजी होटल में आयोजित हुआ। बता दें कि सेवानिवृत्त प्राध्यापक अमरदेव अंगिरस हिमाचल साहित्य जगत में एक जाना पहचाना नाम है। उन्होंने हिमाचली विशेष रूप से सोलन जिले की संस्कृति के विषय में काफी शोध किया है तथा इस पर कई पुस्तकें भी लिखी हैं। उन्हें इससे पूर्व भी अनेक पुरस्कारों से सम्मानित भी किया जा चुका है। अमरदेव अंगिरस का दाड़लाघाट में आयोजित किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम दशहरा उत्सव सहित अन्य गतिविधियों में अहम योगदान रहता है। इसी प्रकार नवगांव समलोह से संबंध रखने वाले इसी क्षेत्र के डॉक्टर प्रेम लाल गौतम संस्कृत महाविद्यालय सोलन से प्राचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनकी भी कई पुस्तकें हिमाचल के पुस्तकालयों को सुशोभित कर रही हैं। प्रदेश कांग्रेस महासचिव संजय अवस्थी, पंचायत दाड़लाघाट के पूर्व उपप्रधान राजेश गुप्ता, बीडीसी अध्यक्षा कुनिहार सोमा कौंडल, पूर्व जिला परिषद सदस्य दाड़लाघाट वार्ड राम कृष्ण शर्मा, पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर, पूर्व प्रधान सुरेंद्र शुक्ला, पूर्व उपप्रधान लेखराज चंदेल, प्रेम केशव, प्रधान दाड़लाघाट बंसी राम भाटिया, उपप्रधान हेमराज, प्रधान बरायली रीता शर्मा, उपप्रधान कृष्ण चंद भट्टी, सेवानिवृत्त अध्यापक केशव वशिष्ठ, धनी राम चौधरी, जयपाल चौधरी, डॉ मस्त राम शर्मा, अनिल गुप्ता, सुरेंद्र वर्मा, दीपक गजपति, लाला शंकर सहित दाड़लाघाट क्षेत्र के लोगों ने अत्यंत खुशी व्यक्त की तथा सेवानिवृत्त प्राध्यापक व साहित्य जगत के अलंकार अमरदेव अंगरिस व डॉ प्रेम लाल गौतम को इस सम्मान हेतु बधाई दी है।
हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने जिला किन्नौर के आपदा प्रभावित स्थल बटसेरी गांव का दौरा किया। उन्होंने पिछले कल बटसेरी गांव में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया तथा बाहर से आए पर्यटकों की आपदा के कारण हुई दुखत मृत्यु के प्रति अपनी गहरी सवेदनां जताते हुए शोक व्यक्त किया। उन्होंने बटसेरी गांव में आपदा से क्षतिग्रस्त हुए पुल का भी निरीक्षण किया तथा बहुत ही जल्द पुल का पुनः निर्माण करने का भी आश्वासन दिया। इसके साथ साथ बाग बगीचों में जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई के लिए प्रदेश सरकार से यथासंभव सहायता दिलवाने के लिए भी आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हर वर्ष बाढ आने के कारण बटसेंरी गांव को बचाने का कार्य आईपीएच विभाग के द्वारा सीसी वॉल लगाकर किया जा रहा है उसी प्रकार कभी भी किसी भी वक्त कुछ भी प्राकृतिक आपदा या किसी भी मुसीबत के वक्त प्रदेश सरकार के यशस्वी मुख्यमंत्री स्वयं हमेशा आपके साथ हैं। इस दौरान भाजपा कल्पा मंडल अध्यक्ष परविंदर नेगी, बटसेरी पंचायत के प्रधान प्रदीप कुमार, उपप्रधान चन्द्रिका, बीडीसी उपाध्यक्षा कल्पा मंडल छेःडोलमा, जिला परिषद सदस्य सांगला अराधना देवी, उपप्रधान कामरु विजेन्द्र सिंह, प्रधान गा्रम पंचायत सांगला देव सांकी व अन्य कार्यकर्ता सहित बटसेरी ग्रामवासी शामिल थे।
जनजातीय जिला किन्नौर के रिकांगपिओ में आज उपायुक्त कार्यालाय सभागार में कारगिल विजय दिवस मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने की। उन्होंने कहा कि आज देश उन महान सपूतों की पुनीत स्मृति एव शौर्य को नमन करता है जिन्होंने कारगिल युद्ध के दौरान अपने प्राणों को न्यौछावर कर अपने अदम्य साहस का परिचय दिया। जिसे आज के दिन विजय दिवस के रूप में मना कर उन वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है। उपायुक्त ने जिला किन्नौर के शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान सेवानिवृत सूबेदार नगिन्द्र सिंह नेगी ने भूतपूर्व सैनिको की समस्याओं से उपायुक्त किन्नौर को अवगत करवाया। उपायुक्त ने उनकी समस्याओं का समाधान करने आश्वासन दिया। इस अवसर पर उन्होंने शौर्य चक्र विजेता नायब सूबेदार राज बहादुर की पत्नि प्रेम भगती, शहीद प्रवेश कुमार की माता घनश्याम देवी, शहीद राकेश कुमार की पत्नी श्रीमति गंगा देवी, शहीद शेर सिंह की पत्नी दौलत पति तथा भूतपूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया। उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने शहीदों के परिजनों, भूतपूर्व सैनिकों, उपायुक्त कार्यालय के कर्मचारियों को शपथ भी दिलाई।
अटल शिक्षा कुञ्ज, कालूझंडा स्थित आईईसी यूनिवर्सिटी में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 26 जुलाई को ‘कारगिल विजय दिवस’ के रूप में मनाया गया। इस दिन 1999 में, भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना के घुसपैठियों को कारगिल में भारतीय क्षेत्रों से सफलतापूर्वक खदेड़ दिया था। इस अवसर पर शिक्षकों ने कारगिल विजय दिवस से सम्बंधित विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किये और अन्य प्रस्तुतियां भी दी। आईईसी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो० डॉ जितेंद्र सिंह ने कारगिल युद्ध नायकों के जज्बे और हौसले को सलाम करते हुए उनके पराक्रम से सीख लेने की बात कही। उन्होंने बताया कि युद्ध के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों के 527 सैनिकों ने अपनी जान गंवाई। कारगिल विजय दिवस न केवल भारत की जीत की शुरुआत करता है, बल्कि उन शहीद नायकों को भी श्रद्धांजलि देता है, जिन्होंने देश के लिए बहादुरी से लड़ाई लड़ी और 'ऑपरेशन विजय' को सफल बनाने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। आईईसी यूनिवर्सिटी के कुलसचिव विनोद कुमार ने कहा कि कारगिल युद्ध हमारे सुरक्षा बलों की वीरता और अनुशासन का प्रतीक है, जिसे पूरी दुनिया ने देखा है। इस कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रख कर 'ऑपरेशन विजय' के अमर शहीदों को याद किया गया। इस पुरे कार्यक्रम में सोशल डिस्टन्सिंग के सभी नियमों का पालन किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आईईसी यूनिवर्सिटी की एनसीसी इकाई का भी सराहनीय योगदान रहा।
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कनिष्ठ वर्ग में दिनांक 24 जुलाई को ऑनलाइन अंतर्सदनीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालय के चारों सदनों ऋग्वेद सदन, यजुर्वेद सदन, सामवेद सदन तथा अथर्ववेद सदन के कक्षा तीसरी से पॉंचवी तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में हिंदी, गणित, अंग्रेजी, विज्ञान और सामान्य ज्ञान विषय से संबंधित प्रश्न पूछे गए। चारों सदनों के छात्रों ने पूरे हर्षोल्लास के साथ इस प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या महोदया प्रवीणा झा ने प्रतियोगिता के विजयी छात्रों को बधाई दी और उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित किया। इसी कारण प्रत्येक सदनों के विद्यार्थियों ने अच्छी तरह से प्रश्नों के उत्तर दिए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर प्रकृति शर्मा, वेदांग शर्मा, करण पांडे, आरव जोशी (यजुर्वेद), द्वितीय स्थान पर सृष्टि नेगी, रियांश नेगी, प्रियांश मेहता, जैस्मिन ठाकुर(ऋग्वेद) व तृतीय स्थान पर अथर्व शर्मा, हर्षवर्धन, उद्धव, रागा वत्स(अथर्ववेद) रहे।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने आज कारगिल विजय दिवस की 22वीं वर्षगांठ के अवसर पर यहां कारगिल शहीद स्मारक पर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कृतिका कुल्हारी ने इस अवसर पर कहा कि कारगिल विजय दिवस हम सभी को असंख्य सैनिकों की शहादत का स्मरण करवाते हुए देशहित में अपनी ओर से निष्ठापूर्वक कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि हम सभी देशवासी उन असंख्य सैनिकों के ऋणी हैं जिन्होंने मातृभूमि पर हंसते-हंसते अपने प्राण न्यौछावर किए। उपायुक्त ने सभी से आग्रह किया कि कारगिल विजय दिवस को सदैव स्मरण रखें और ये प्रयास करें कि जिस प्रकार हमारे वीर सैनिक सीमाओं पर देश की रक्षा करते हैं उसी प्रकार हम सभी अपने कार्य के माध्यम से जनहित को सर्वोपरि रखेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिला प्रशासन सदैव जिले के पूर्व एवं सेवारत सैनिकों तथा उनके परिजनों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पूर्व सैनिकों से आग्रह किया कि वे युवा पीढ़ी को अपने अनुभवों से अवगत करवाएं ताकि युवा उत्तरदायी नागरिक बन सकें। इस अवसर पर उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय कुमार यादव, तहसीलदार सोलन गुरमीत नेगी सहित अनेक पूर्व सैनिक, वरिष्ठ नागरिक एवं अन्य उपस्थित थे। इस अवसर पर जिला के सभी उपमण्डलों एवं विकास खण्डों में शहीद सैनिकों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और शपथ दिलाई गई।
पुलिस थाना ज्वालामुखी के अंतर्गत बीती रात पुलिस ने गश्त के दौरान बदोली, डाकघर कथोग के निवासी जोकि रमणीधाम कथोग में नमकीन,अंडा व कोल्डड्रिंक की दुकान करता है। पुलिस ने शक के आधार गश्त के दौरान तलाशी में साढ़े तीन बोतल देसी शराब मार्का जिसमें तीन बोतल हिमाचल न०1 संतरा व आधी बोतल संतरा ऑरेंज कुल 2600 एमएल अवैध देसी शराब बरामद की है। मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ ज्वालामुखी जीत सिंह ने बताया पुलिस ने मौके पर कार्यवाही करते हुए उक्त दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कारगिल विजय दिवस की 22वीं वर्षगाँठ के उपलक्ष्य पर केन्द्रीय विद्यालय नलेटी में देश के लिए कुर्बान हुए जवानों को नमन किया गया । इस दौरान प्राचार्या स्वाति अग्रवाल ने शहीदों की प्रतिमा के आगे दीप प्रज्ज्वलन किया तथा पुष्प अर्पित कर उनकी शहादत को याद किया। प्राचार्या ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक कारगिल विजय दिवस हर साल 26 जुलाई को मनाया जाता है | साल 1999 में कारगिल युद्ध में देश के वीर जवानों ने पाकिस्तान को धूल चटा दी थी। कारगिल विजय दिवस के मौके पर देशवासी अपने प्राणों की आहुति देकर भारत माता की रक्षा करने वाले वीर जवानों को याद करते हैं और उन्हें श्रद्धांजलि देते है।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सोमवार को लघु सचिवालय देहरा के प्रांगण में बलिदानी वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारगिल मे वीर गति को प्राप्त हुए वीर जवानों को याद किया गया व श्रद्धांजलि अर्पित की गई । उपमंडल अधिकारी धनबीर ठाकुर ने कारगिल विजय दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन उन सभी बलिदानी वीरों को याद कर अपने श्रद्धासुमन अर्पण करने का है जिन्होंने मातृ भूमि की रक्षा के लिए मौत को गले लगा लिया। उन्होने कहा कि देश के सैनिकों ने हर मौके पर बहादुरी का परिचय देते हुए दुश्मन को मुंहतोड़ जबाब दिया है। सैनिकों के त्याग, बलिदान के चलते देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी सैनिक सीमाओं की रक्षा के लिए डटे रहते हैं। इस अवसर पर नगर परिषद देहरा की अध्यक्ष सुनीता कुमारी, उपाध्यक्ष मल्कियत सिंह परमार, नगर परिषद देहरा के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालाजी में श्रावण अष्टमी नवरात्र मेले 9 अगस्त से 18 अगस्त तक कोरोना संबंधित दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित किये जाएंगे। सहायक आयुक्त मंदिर एवं एसडीएम ज्वालामुखी मनोज कुमार ने श्रावण अष्टमी नवरात्र की तैयारियों को लेकर आयोजित मंदिर न्यास की बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी विश्वप्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, तथा देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र होने के कारण यहां श्रद्धालू हर नवरात्र में बड़ी संख्या में आते हैं। लेकिन कोरोना को देखते हुए कोविड संबंधित दिशा-निर्देशों को सख्ती से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाजार में भोजन एवं अन्य खाद्य पदार्थ बेचने वाले लोग सफाई का पूरा ध्यान रखें अन्यथा उनके विरुद्ध कायवाई भी अमल में लाई जाएगी।उन्होंने कहा कि इस दौरान सभी विभाग एवं आने वाले श्रद्धालू सफाई एवं सवच्छता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंनेे जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को पेयजल स्त्रोतों की साफ सफाई सुनिश्चित बनाने और नगरपालिका ज्वालाजी को मेले के दौरान पार्किंग व सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा सफाई कर्मचारीयों को पहचान पत्र लगाना आवश्यक होगा। उन्होने कहा की मंदिर रोड़ पर ढ़ोल-नगाड़े और भिक्षा देने पर पूर्ण प्रतिबन्ध रहेगा। इसके अतिरिक्त शस्त्र एवं विस्फोटक पदार्थ भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य, गृह रक्षा, परिवहन, विद्युत, इत्यादि सम्बन्धित विभाग पर्यटकों एवं श्रद्धालुुओं को हर सम्भव सहायता एवं सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए तत्पर रहें। लंगर लगाने के इच्छुक श्रद्धालुओं को पहले प्रशासन से अनुमति लेनी पड़ेगी और खाद्य निरीक्षण विभाग के अनुसार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता रखनी पड़ेगी। एसडीएम ने कहा कि व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने स्थानीय व बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वह नवरात्रोें के दौरान स्थानीय प्रशासन, मंदिर समितियों व धार्मिक स्थलों के स्वयंसेवी श्रद्धालुओं को व्यवस्था बनाये रखने में अपना सहयोग दें। किसी भी दशा में वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों को न भरा जाये। यातायात नियमों का पालन करें ताकि दुर्धटनाओं तथा अनावश्यक जाम से बचा जा सके। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि मंदिर में दर्शन, पूजा अर्चना अथवा मंदिर परिक्रमा के समय धक्का-मुक्की न करें तथा श्रद्धापूर्वक पंक्तिबद्ध हो कर भक्ति भाव से दर्शन करते हुए व्यवस्था को सचारु बनाने में सहयोग दें। उन्होंने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सचेत करते हुए कहा कि वह अपनी यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी प्रकार की कठिनाई के समय स्थानीय प्रशासन को सूचित करें। इस अवसर पर नायब तहसीलदार एवं मंदिर अधिकारी निर्मल सिंह, डीएसपी ज्वालामुखी श्री चंद्र पॉल सिंह, बीएमओ ज्वालामुखी डॉक्टर पवन, नगर परिषद् कार्यकारी अधिकारी हितेश कुमार, योगी तीर्थनाथ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापार मंडल के सदस्य, मंदिर प्रशासन, मंदिर नयास सदस्य उपस्थित रहे।
सोलन विकासखण्ड की पट्टाबरावरी पँचायत कार्यालय में खण्ड चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर के सौजन्य से टीकाकरण अभियान के तहत 18 से 44 व 45 से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगो को टीकाकरण कैम्प का आयोजन किया गया। जिसमें 91 महिला एवं पुरुषों का टीकाकरण किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टाबरावरी की चिकित्सा अधिकारी कृतिका गांधी ने जानकारी देते हुए कहा कि कोरोना जैसी महामारी को रोकने के लिए प्रदेश व केंद्र सरकार ने निर्णय लिया है कि ग्रामीण स्तर पर टीकाकरण अभियान को तेज किया जाए। उन्होंने सभी लोगों को जल्द इस अभियान में भाग लेकर टीकाकरण अभियान को सफल बनाने की अपील की है। इस मौके पर पूर्व पँचायत समिति सदस्य डीडी कश्यप ने सभी लोगो से प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करने तथा वैक्सीन के लिए आगे आकर बढ़ चढ़ कर भाग लेने की अपील की है ताकि कोरोना जैसी घातक बीमारी से बचा जा सके।
विजय कारगिल दिवस पर जोगिंदरनगर के विधायक प्रकाश राणा ने कारगिल के युद्ध में शहीद हुए माँ भारती के सपूतों को याद किया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस स्वतंत्र भारत के सभी देशवासियों के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण दिवस है। भारत योद्धाओं की भूमि है, जिसने हमेशा दुश्मनों को हराया है। भारतीय सेना भारत की सीमा की रक्षा करती है। लेकिन हमारा पड़ोसी देश पाकिस्तान हमेशा घुपैठ करता है। ऐसी ही एक घटना 1999 में कश्मीर में हुई, जब पाकिस्तान ने कारगिल की चोटियों पर चुपके से कब्ज़ा कर लिया। लेकिन भारत ने दो महीनों तक पाकिस्तान से युद्ध किया और अपनी जमीन वापस ली। 26 जुलाई 1999 को कश्मीर के कारगिल में भारत ने पाकिस्तान हरा दिया। इसलिए हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हम उन वीर सपूतों के बलिदान को जो माँ भारती की शान में कुर्बान हुए,कैसे भूल सकते हैं। उन सभी शहीदों को शत शत नमन है।


















































