हिमाचल प्रदेश के ही मंडी जिले में मूसलाधार बारिश का कहर जारी है। वीरवार देर रात तेज बारिश के कारण मंडी के रामनगर में पार्किंग शेड की टीन की छत पर डंगा गिर गया। पार्किंग में खड़ी 12 कारों पर छत गिरने से भारी नुकसान हुआ है। चार कारों का ऊपरी हिस्सा टूटकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। बाकियों के शीशे टूटे हैं। रामनगर के पार्षद योगराज ने कहा कि कारों को निकाला जा रहा है। वहीं बारिश से सातमील के पास भूस्खलन से मंडी-कुल्लू एनएच शुक्रवार सुबह छह से साढ़े सात बजे तक डेढ़ घंटे के लिए बंद रहा। वाहनों को वाया कटौला बजौरा मार्ग से भेजा गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से प्रदेश में भारी तबाही हो रही है। जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। जिससे हाईवे बंद हैं। सिरमौर जिले में सड़क धंसने के कारण नेशनल हाईवे बंद हो गया है। कालीढांक व बड़वास के समीप राजमार्ग की पहाड़ी दरकने से तबाही का मंजर सामने आया है, मार्ग का एक हिस्सा पूरा खाई में समा गया है, गनीमत रही की घटना में कोई जानी नुस्कान नही हुआ है। जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्ग 707 पर हर मिनट निजी वाहनों सहित बसों की आवाजाही चली रहती है लेकिन स्तिथि को जांचते हुए वाहन चालकों ने अपने वाहनों को दूर खड़ा कर दिया था और देखते-देखते राष्ट्रीय राजमार्ग टूटकर गहरी खाई में समा गया है। सूत्रों की माने तो राष्ट्रीय राजमार्ग 707 प्राधिकरण व कार्य कर रही आरजीवी कम्पनी द्वारा सड़क से निकलने वाले मलबे के लिए गलत तरीके से डम्पिंगयार्ड चयन किये गए है, जिसकी वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग 707 लोगो के लिए बरसात में आफत बना हुआ है। इससे पहले डंपिंग यार्ड के मलवे ने लोगों पर कहर बरपाया था और अब मार्ग का बड़ा हिस्सा गहरी खाई में समा गया है।
जलन्धर पंजाब से आए छह युवकों ने वीरवार सुबह के समय गुंडागर्दी करते हुए एक ढाबे पर खूब हुड़दंग मचाया। दोनों पक्षों में हुए इस लड़ाई झगड़े में ढाबे मे मेहनत मजदूरी कर रहे ब्लाक खन्ड परागपुर के अन्तर्गत गांव बह ढौन्टा वर्कर के पैर की अंगुली कट गई जिसे चिंतपूर्णी अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं देहरा पुलिस ने हुडंदंग मचाने वाले छह युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।मिली जानकारी के अनुसार जब चिंतपूर्णी मेन बाज़ार में वीरवार सुबह छह पंजाबी युवक पैदल जा रहे थे तो वे एक ढाबे के आगे रुके और ढाबा मालिक व उसके वर्करों से चाय और ब्रेकफास्ट का रेट पूछने लगे जब ढाबा मालिक ने उनको रेट बताया तो पंजाबी युवक ढाबा मालिक को कहने लगे कि इतना महंगा खाना है। आपके ढाबे ने लूट मचा रखी है और अभद्र भाषा का उपयोग करने लगे। जिस पर ढाबे के कर्मचारियों ने इन युवकों को आगे जाने के लिए कहा लेकिन ये पंजाबी, ढाबा मालिक व इसके कर्मचारियों के साथ बहस करने लग पड़े और हाथापाई पर उतर आए। देखते ही देखते इन पंजाबी युवकों ने ढाबे के आगे रखे हुए तवे को उठाकर ढाबे के कर्मचारी के पैर मार दिया । जिससे ढाबे के कर्मचारी के पैर की उंगली कट गई और उसके पैर से खून बहने लग पड़ा, जिसे तुरन्त स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहीं लड़ाई झगड़ा करने वाले युवक भी मौके से फरार हो गए जिन्हें बाद में स्थानीय लोगों ने कुछ ही दूरी पर पकड़ा वहीं घटना की सूचना चिंतपूर्णी पुलिस को दी गई। मौके पर आई चिंतपूर्णी पुलिस युवकों को थाना ले गई और मामला देहरा थाना में पड़ने के कारण देहरा पुलिस लड़ाई झगड़े वाली जगह पर पहुंची। जहां ढाबा मालिक व घायल हुए व्यक्ति के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले की पुष्टि करते हुए डी एस पी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि लड़ाई झगड़े की सूचना मिली थी। एएसआई अशवनी को मौके पर भेजा गया था।उक्त मामले में पंजाब के छह युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। साथ ही लड़ाई झगड़े में घायल हुए व्यक्ति जिसका नाम राज है उसका मेडिकल करवाया गया है।
ज्वालामुखी के विधायक रमेश धवाला ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से दिल्ली स्थित उनके आवास पर भेंट की तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी। इस दौरान अपने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जिसमें प्रमुखता से इंडोर स्टेडियम को बनाने का प्रस्ताव रखा गया। विधायक रमेश धवाला ने विश्वास जताया है की केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर इस मांग को अतिशीघ्र पूरा कर ज्वालामुखी क्षेत्र को एक नयी सौगात देंगे, वहीं कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र से सांसद किशन कपूर से दिल्ली स्थित उनके आवास पर भेंट की तथा इस दौरान प्रदेश हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की, साथ ही राज्यसभा सांसद व भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव इंदु गोस्वामी से दिल्ली स्थित उनके आवास पर भेंट की तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी। इस दौरान विजय मेहता,चमनपुण्डीर,प्रवीण, अनिल धीमान,पुरषोत्तम इत्यादि मौजूद रहे।
वन मन्त्री राकेश पठानिया द्वारा सत महाजन पर की गई टिप्पणी पर जसवां-परागपुर के कांग्रेसी नेता सुरेन्द्र सिह मनकोटिया तल्ख हो गए है। पत्रकार वार्ता करते हुए, कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष ठाकुर सुरिन्द्र सिंह मनकोटिया ने कहा कि सत महाजन पर व्यानबाजी महंगी पड़ेगी। मनकोटिया ने कहा कि वन मन्त्री राकेश पठानिया अपने गिरेबान मे झाकें मंहगाई भाजपा सरकार से कंट्रोल नहीं हो रही है, बेरोजगारी चरम सीमा पर है, युवा दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं, कोरोना में यह बिल्कुल फेल हुए हैं, इन सबसे ध्यान बंटाने के लिए यह जुमलेवाज पार्टी नया शिगूफा छोड़ते हैं। बड़े-बड़े इंडस्ट्रीयलिस्ट देश चला रहे हैं, यह इनके आगे पंगु बने हुए हैं। सुरेन्द्र सिह मनकोटिया ने कहा कि भाजपा आगामी उपचुनावों मे अपनी हार देखकर हिमाचल की शान रहे विकास के मसीहा फील्ड मार्शल स्वर्गीय सत महाजन पर फोड़ कर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रहा है। उन्होंने कहा की यह कदापि बर्दाश्त नही किया जायेगा। आजकल बीजेपी में लोकल और बाहरी की लड़ाई में नेता स्वर्गीय सत महाजन के ऊपर जो अनाप-शनाप बयान बाजी बीजेपी के नेता कर रहे हैं उनको यह नहीं पता कि इन क्षेत्रों में जो भी विकास हुआ है वह स्वर्गीय सत महाजन की देन है । बीजेपी अपना प्रत्याशी तो घोषित नहीं कर पा रही और साथ में महंगाई से पूरे देश के लोगों का हाल खराब कर रखा है अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए उल्टा लोकप्रिय नेता श्री सत महाजन पर घटिया बयान बाजी कर रहे हैं ऐसा सहन नहीं किया जाएगा अपनी लड़ाई और नाकामयाबी का ठीकरा दूसरे के सिर फोड़ना अच्छी बात नहीं।
मंगलवार से जारी लगातार लोगों के लिए आफत बन रही है। अत्याधिक बारिस से जगह-जगह भूस्खलन से सड़के बन्द हो रही है किसानों की फसलें बर्बाद हो रही है तो वन्ही कुनिहार विकास खण्ड के अंतर्गत हाटकोट पंचायत के खटनाली नाले में इस बारिस से भारी भूमी कटाव होने से आदर्श प्राथमिक पाठशाला कुनिहार के शौचालय खतरे की जद में आ गए है, तो वन्ही हॉर्टिकल्चर विभाग की खटनाली नर्सरी को जाने वाला रास्ता पूरी तरह से नाले में समा गया है। इस नाले में हर बरसात में पिछले कई वर्षों से भूमी कटाव होता चला आ रहा है। कई पंचायत प्रधान अपना कार्यकाल पूरा करके चले गये, परन्तु कोरे आश्वाशनो के सिवाय धरातल पर कोई प्लांनिग के साथ किया कार्य नजर नही आया। नाले से एक ओर जंहा वार्ड नम्बर 1 की आबादी खतरे में है, तो दूसरी ओर आदर्श प्राथमिक पाठशाला कुनिहार, खण्ड विकास कार्यालय व बॉयज वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की ओर भूमी कटाव तेजी से होने लगा है। हाटकोट पंचायत प्रधान जगदीश अत्री से जब इस विषय पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस समस्या को जनमंच सहित सरकार व प्रशासन के समक्ष कई बार रखा जा चुका है। लोक निर्माण विभाग, खण्ड विकास सहित कई सम्बंधित विभागों के समक्ष यह मसला उठाया जा चुका है। पंचायत में इस नाले में हो रहे कटाव को रोकने के लिए प्रस्ताव डाले गये है व जल्द ही इस कटाव को रोकने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से कोई कारगर कदम उठाये जाएंगे, ताकि लोगो की इस समस्या का हल हो सके।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी संजय दत्त तीन दिवसीय दौरे पर 3 अगस्त को शिमला आएंगे। इस दौरान वह प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग, सोशल मीडिया,अग्रणी संगठनों के प्रमुखों, सेवादल,महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, व एससी विभाग की कोर कमेटी के साथ बैठके करेंगे। कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल ने आज यहां बताया कि संजय दत्त 2 अगस्त को शिमला पहुंचेगें।3 अगस्त को दत्त सुबह 10.30 बजे मीडिया विभाग के प्रवक्ताओं व पेनीलिस्टों के साथ बैठक करेंगे। इसी दिन सायं 2 से 4 बजे तक सोशल मीडिया व अग्रणी संगठनों के प्रमुखों के साथ बैठक के बाद सायं 4 बजे से एससी विभाग की कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे।
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी की अध्यक्षता में आज यहां जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत जिला शिमला में 71 हजार 42 परिवारों की 3 लाख 34 हजार 938 जनसंख्या का चयन किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत बाकी परिवारों की चयन प्रक्रिया जारी है। जिला शिमला में राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के थोक बिक्री केन्द्रों के माध्यम से जनवरी, 2021 से अब तक 2 लाख 45 हजार 986 मीट्रिक टन विभिन्न खाद्य सामग्रियों का सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से वितरित की गई। उन्होंने बताया कि खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा जिले में जनवरी, 2021 से अब तक 2 हजार 865 निरीक्षण किए गए, जिसके तहत 1 लाख 62 हजार 400 रुपये की राशि वसूली गई। इस अवसर पर जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले पूर्ण चंद, जिला कार्यक्रम अधिकारी वंदना चौहान, जिला खाद्य अधिकारी श्रवण, जिला ऑडिट अधिकारी भूप सिंह, डाॅ. एचआर ठाकुर एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक ने आज अपने 40वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शिमला ग्रामीण के अंतर्गत गलोट ग्राम पंचायत के फगेरा गांव में वन विभाग के सहयोग से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें मुख्य अरण्यपाल वन वृत शिमला एस.डी. शर्मा ने बान का पौधा रोपित कर इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि पर्यावरण की समस्या पूरे विश्व में उभर कर आ रही है, जिसको बचाना व संरक्षण करना सामुहिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि पूरे विश्व में वनों के क्षेत्र में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण की दृष्टि से समस्या पैदा कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रति वर्ष हमें पौधा रोपण कार्यक्रम के साथ-साथ उनका संरक्षण भी सुनिश्चित करना होगा तभी वनों का संवर्धन कर पर्यावरण को बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने के साथ-साथ इनकी देखरेख और हिफाजत करना हमारा कर्तव्य है, जिसके लिए क्षेत्र के लोगों को आगे आना होगा तभी वन महोत्सव का उद्देश्य सार्थक होगा। भविष्य में यदि नाबार्ड या कृषक उत्पादक संगठन इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करता है तो वन विभाग द्वारा पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा। आज वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत आधे हैक्टेयर भूमि पर 550 बान के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में मुख्य महा प्रबंधक, राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक दिनेश रैना ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बैंक द्वारा नियमित कार्यों के साथ-साथ जन सेवा व सामाजिक कार्यों में भी योगदान प्रदान किया जाता है। बैंक द्वारा समय-समय पर विभिन्न वर्गों के साथ अनेक गतिविधियां आयोजित की जाती है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को दूर रखने तथा मृदा एवं जल संरक्षण में वृक्षा रोपण सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि नाबार्ड द्वारा राज्य में जलागम, कृषक उत्पादन संगठन एवं आदिवासी विकास योजनाओं में वृक्षारोपण गतिविधियां मुख्य रूप से की जाती है। उन्होंने इस संबंध में ग्रामीणों को जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, शुम्भम किसान उत्पादन संगठन के सदस्यों, हार्प एनजीओ के सदस्यों तथा ग्रामवासियों ने पौधा रोपण किया। नाबार्ड के महा प्रबंधक सुधांशु मिश्रा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नाबार्ड के उप महाप्रबंधक बी.आर. प्रेमी, राकेश अग्रवाल, सहायक महाप्रबंधक संदीप शर्मा, हार्प संस्था के डाॅ. आर.एस. रत्न, हरिन्द्र सिंह ठाकुर, शुभम फ्रैश फ्रूट वेजिटेबल मार्किटिंग काॅपरेटिव सोसायटी के बाल कृष्ण एवं राम कृष्ण, डीएफओ सुशील राणा, ग्राम पंचायत पनेश के उप-प्रधान राजेन्द्र ठाकुर तथा गांववासियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा आज अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के सहयोग से अर्की उपमण्डल के अन्तर्गत चल्यवान गांव में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह पौधरोपण कार्यक्रम नाबार्ड के 40वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वन मंडलाधिकारी कुनिहार हेमंत कुमार गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का आयोजन अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के सहयोग से किया गया। उन्होंने कहा कि रोपित किए पौधों को उचित देखरेख पर बल दिया जाना चाहिए ताकि आयोजन की सार्थकता सिद्ध हो सके। नाबार्ड द्वारा अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के माध्यम से कुनिहार विकास खण्ड में 9 जलागम व जलवायु प्रूफिंग परियोजनाओं का परिचालन किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के अंतर्गत इस वर्ष लगभग 14000 पौधे लगाए जा चुके हैं व कुल 25000 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। वृक्षारोपण कार्यक्रम में करीब 70 लोगों ने प्रतिभाग किया जो कि स्वयं सहायता समूहों, कृषक उत्पादक संगठनों व ग्राम जलागम समिति बरयाली फगवाना से सम्बद्ध थे। सदस्यों ने लगभग 0.6 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 350 अनार (दाडु), सम्मी तथा वट के पौधे रोपित किए। इस अवसर पर जिला विकास प्रबन्धक सोलन अशोक चैहान, अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन से यूनिट हैड मनोज श्रीवास्तव, अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन से भूपेन्दर गांधी व टीम से सदस्य, रेंज अधिकारी किशोर भारद्वाज, डिप्टी रेंज अधिकारीएसडी शुक्ला, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनुराग व वन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने आज कण्डाघाट में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कोविड-19 के सम्बन्ध में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि कोविड-19 की सम्भावित तीसरी लहर से निपटने के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसे संकट को निष्प्रभावी बनाने के लिए ग्राम स्तर तक पंचायत प्रतिनिधियों को अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करना होगा। उपायुक्त ने नगर पंचायत कण्डाघाट के पार्षदों एवं उपमण्डल की सभी ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में कोविड-19 से बचाव के लिए नियमों का पूर्ण पालन करवाएं। उन्होंने कहा कि लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर उचित प्रकार से मास्क पहनने, बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाइजर से साफ करने तथा सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करने के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए सभी का टीकाकरण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए पंचायत प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने खण्ड चिकित्सा अधिकारी सायरी को निर्देश दिए उपमण्डल में कोविड-19 की नियमित सैम्पलिंग की जाए तथा यह सुनिश्चित बनाया जाए कि एक घर से एक सदस्य की कोविड जांच अवश्य करवाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सभी स्तरों पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कार्य किया जा रहा है और राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला के सोलन, अर्की तथा कण्डाघाट के चायल में ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। बैठक में अवगत करवाया गया कि कण्डाघाट उपमण्डल में 30383 लोगों का कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें 24375 व्यक्तियों को टीके की प्रथम डोज तथा 6008 व्यक्तियों को टीके की द्वितीय डोज दी जा चुकी है। इस अवसर पर नगर पंचायत कण्डाघाट के उपाध्यक्ष मुनीष सूद, कण्डाघाट उपमण्डल की ग्राम पंचायतों के प्रधान एवं अन्य पदाधिकारी, उपमण्डलाधिकारी डाॅ. विकास सूद, तहसीलदार अमन राणा, खण्ड विकास अधिकारी एच.सी. शर्मा, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डाॅ. संगीता उप्पल, थाना प्रभारी बृजलाल एवं अन्य उपस्थित थे।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट को निर्देश दिए हैं कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन कार्य के कारण कण्डाघाट उपमण्डल में क्षेत्रवासियों को हो रही समस्याओं का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित बनाएं। कृतिका कुल्हारी आज कण्डाघाट में उपमण्डल के राजस्व अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि वर्तमान में सोलन से शिमला के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग का फोरलेन कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने उन्हें अवगत करवाया है कि फोरलेन कार्य के कारण क्षेत्र में कृषि योग्य भूमि को नुकसान हो रहा है तथा जलापूर्ति के लिए बिछाई गई पाइपों को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट को निर्देश दिए कि कृषि योग्य भूमि को फोरलेन कार्य से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए कार्य में संलग्न कंपनी के प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श करें ताकि स्थानीय लोगों को नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि फोरलेन कार्य में कटिंग इत्यादि का कार्य निर्धारित नियम के अनुसार ही किया जाए। उपायुक्त ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोविड-19 संकट के कारण लम्बित पड़े राजस्व सम्बन्धी मामलों को शीघ्र निपटाएं ताकि आम लोगों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले पटवारखानों का समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में वर्षा से हो रहे नुकसान का आकलन करें ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता प्रदान की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निशानदेही इत्यादि की सही रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विभिन्न मार्गों के किनारे अवैध कब्जों को तुरन्त हटाने के निर्देश भी दिए। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि राजस्व विभाग आमजन तथा जिला प्रशासन एवं प्रदेश सरकार के मध्य महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग द्वारा किए जाने वाले कार्य प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष तौर पर आमजन को राहत पहुंचाते हैं। राजस्व कार्यों का समय पर निपटारा आर्थिक प्रगति का जरिया भी बनता है। उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डाॅ. विकास सूद ने उपमण्डल की राजस्व गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। तहसीलदार कण्डाघाट अमन राणा, नायब तहसीलदार कण्डाघाट सत्यव्रत शर्मा, नायब तहसीलदार ममलीग अमर सिंह तथा विभिन्न पटवार वृतों के पटवारी बैठक में उपस्थित थे।
वीरवार को उपमंडल की निचला गरोडू ग्राम पंचायत में एकल अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। इस दौरान 40 लोगों द्वारा एकल बन बालक रूपी में पौधे रोपित किए गए। पंचायत प्रधान संतोष सोनी ने कहा कि हमारे जीवन में पेड़-पौधों का बहुत बड़ा महत्व है। पेड़ हमें ऑक्सीजन के साथ स्वच्छ वायु प्रदान करते हैं और वातावरण को भी स्वच्छ रखते हैं। हम सभी को पौधरोपण कर उनकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने सभी लोगों से वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए कम से कम एक पौधा रोपित करने का आह्वान किया। इस दौरान एकल व्हील कोऑर्डिनेटर श्रीमान अंजनी कुमार , कांता एकल विद्यालय आचार्य रेनू बाला, समिति प्रमुख धनदेव व अन्य सदस्यों ने पूर्ण रूप से भाग लिया।
राजकीय उच्च पाठशाला कशलोग में नई स्कूल प्रबंधन कमेटी की कार्यकारिणी का गठन स्थानीय पाठशाला की मुख्याध्यापिका रेखा राठौर की अध्यक्षता में किया गया। इस कार्यकारिणी का कार्यकाल तीन वर्षों का रहेगा। इसमें लगभग सभी अभिभावकों ने भाग लिया। सर्वसम्मति से कांता देवी को प्रधान नियुक्त किया गया। साथ ही दस अभिभावकों को इस कार्यकारिणी के सदस्य चुना गया। मुख्याध्यापिका ने नवनिर्वाचित कार्यकरिणी को अपनी व अपने स्टॉफ की ओर से बधाई दी। मुख्याध्यापिका रेखा राठौर ने सभी अभिभवकों को ऑनलाइन पढ़ाई व हर घर पाठशाला में करवाई जा रही पढ़ाई में अपना पूरा सहयोग देने की अपील की। कोविड-19 से अपना व बच्चों का बचाव करें। मुंह को मास्क से ढकें,अपने हाथ साबुन और पानी से नियमित रूप से धोएं। दो गज की दूरी का पालन कर, सुरक्षित रहें स्वस्थ रहें की अपील की।
24 जुलाई से प्रदेश की शिक्षा में ज्वलंत मुद्दे के रूप में हर छात्र और हर युवा में ट्रेंड कर रहे स्पोर्ट्स एंड कल्चरल कोटा को फिर से लागू करने के लेकर आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने उच्च शिक्षा निदेशालय शिमला में कार्यालय के बाहर शिक्षा विभाग और प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रोष व्यक्त किया। प्रांत मंत्री विशाल वर्मा ने कहा कि प्रदेश के महाविद्यालयों में 26 जुलाई से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है जिसमे सरकार और शिक्षा विभाग ने "स्पोर्ट्स एंड कल्चरल" कोटा को खत्म कर युवाओं के साथ खिलवाड़ किया है अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इस निर्णय का कड़े शब्दों में निंदा करती है इस दौरान विशाल वर्मा ने छात्रों और मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व के सभी देश खेल को बढ़ावा देने का काम कर रहे है और भारत सरकार भी खेल के क्षेत्र ने नए आयाम और प्रतिदिन नए प्रयोग कर रही हैं ताकि विश्व में खेल के क्षेत्र के देश का नाम रोशन हो सके और युवाओं का सर्वांगीण विकास हो सके। वर्तमान में टोक्यो ओलंपिक में विश्व के सामने भारत देश का नाम रोशन कर रहे हिमाचल प्रदेश के भी युवा है जो सभी प्रदेशवासी के लिए गर्व का विषय है, लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा ऐसे समय में खेल को और अधिक बढ़ावा देने के बजाय शिक्षा क्षेत्र में स्पोर्ट्स एंड कल्चरल कोटा को खत्म करना दुर्भाग्यपूर्ण है और प्रदेश के हजारों खिलाड़ी इस निर्णय से हताश है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश 26 जुलाई से चल रहे है और यह कोटा फिर से लागू होना इस दौरान आवश्यक है ताकि किसी भी खिलाड़ी को शिक्षा या खेल से दूर न रहना पड़े। उन्होंने कहा की ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से विभाग द्वारा दाखिले देने का फरमान दिया गया है। जिस कारण अधिकांश क्षेत्रों में छात्रों को बरसात के दौरान घर दूर पहुंचकर कैफे में फॉर्म भरना पड़ता है, लेकिन दूर कैफे में पहुंचने के बावजूद भी ऑनलाइन दाखिले की वेबसाइट में आ रही अनियमितताओं के कारण छात्रों को एडमिशन लिए बिना ही हताश होना पड़ रहा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मांग करती है कि ऑनलाइन व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाए और साथ में प्रत्यक्ष तौर पर भी दाखिले का माध्यम सुनिश्चित किया जाए और 3 दिन के अंदर महाविद्यालय के दाखिले में "स्पोर्ट्स एंड कल्चरल" कोटा को पुन: लागू किया जाए अन्यथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद आने वाले समय के उग्र आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेगी।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आज मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सोलन से राज्य निर्वाचन आयोग बिहार के लिए इलैक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की 26 बैलेट यूनिट तथा 13 कन्ट्रोल यूनिट का हस्तान्तरण किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के चन्द्रकांत शर्मा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिवदत्त ठाकुर तथा सावित्री सांख्यान, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के अनूप पराशर, उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, तहसीलदार निर्वाचन राजेन्द्र शर्मा, नायब तहसीलदार निर्वाचन महेन्द्र ठाकुर, नायब तहसीलदार राजस्व जगपाल एवं निर्वाचन विभाग के अधीक्षक राजेश शर्मा उपस्थित थे।
केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार नेहरू युवा केन्द्र सोलन द्वारा प्रथम अगस्त से 15 अगस्त, 2021 तक सोलन जिला के पांचों विकास खण्डों में स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। यह जानकारी नेहरू युवा केन्द्र सोलन की उप निदेशक ईरा प्रभात ने आज यहां दी। ईरा प्रभात ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े के अन्तर्गत जिला के सोलन, कुनिहार, धर्मपुर, कण्डाघाट तथा नालागढ़ विकास खण्डों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों में स्थानीय ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों तथा युवक मण्डलों एवं महिला मण्डलों का सहयोग भी लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े के तहत प्रथम अगस्त को वेबिनार आयोजित किया जाएगा तथा स्वच्छता शपथ दिलाई जाएगी। 2 अगस्त को अपने-अपने गांव की सफाई, 3 अगस्त को पौधरोपण, 4 अगस्त को जल स्त्रोतों की सफाई तथा 5 अगस्त को पंचायत घर एवं स्वास्थ्य केन्द्र की सफाई की जाएगी। ईरा प्रभात ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े के अन्तर्गत 6 अगस्त को प्लास्टिक मुक्त अभियान, 7 अगस्त को भांग उखाड़ो अभियान, 8 अगस्त को स्वच्छता रैली आयोजित की जाएगी जबकि 09 अगस्त को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त को नारा लेखन तथा 11 अगस्त को वाॅल राईटिंग होगी। 12 अगस्त को अन्तरराष्ट्रीय युवा दिवस पर श्रमदान तथा 13 अगस्त को भाषण प्रतियोगिता एवं 14 अगस्त को फिट इंडिया रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को स्वतन्त्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा।
मैसर्ज एसबीआई लाईफ इंश्योरेंस सोलन, मैसर्ज राज इण्डस्ट्रीज, गांव बेलीदेयोर, डाकघर खेड़ा, तहसील नालागढ़ तथा मैसर्ज केयन्स टैक्नोलाॅजी इंडिया प्राईवेट परवाणू, सैक्टर-5 में विभिन्न श्रेणियों के 35 पद भरे जाने हैं। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी संदीप ठाकुर ने आज दी। संदीप ठाकुर ने कहा कि इन पदों को भरने के लिए 31 जुलाई को जिला रोजगार कार्यालय सोलन में कैम्पस साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन पदों के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। उम्मीदवार के पास आईटीआई ट्रेड वेल्डर, इलैक्ट्रिकल, फिटर तथा इलैक्ट्राॅनिक में डिप्लोमा होना चाहिए। विकास प्रबन्धक तथा लाईफ मित्र पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं, स्नातक तथा बी.काॅम निर्धारित की गई है। संदीप ठाकुर ने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार 31 जुलाई को प्रातः 10.00 बजे जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय सोलन के कार्यालय में कैम्पस साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 98170-69798 तथा 70189-18595 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने आज यहां नगर निगम सोलन के मनोनीत पार्षदों को शपथ दिलाई। कृतिका कुल्हारी ने नगर निगम सोलन के लिए मनोनीत पार्षद शकुंतला शर्मा, संजीव मोहन, प्रियंका अग्रवाल, दिनेश कुमार तथा स्निगधा चोपड़ा को शपथ दिलाई। उपायुक्त ने इस अवसर पर सभी मनोनीत पार्षदों को बधाई देते हुए आशा जताई कि वे क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान करने में सहायक बनेंगे। उन्होंने पार्षदों से आग्रह किया कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं ताकि लक्षित वर्ग इनसे समय पर लाभान्वित हो सकें। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजेश कश्यप, जिला भाजपा महामंत्री नंदराम कश्यप, भाजपा मण्डल सोलन के महामंत्री भरत साहनी, मीडिया प्रभारी नरेश गांधी, अतिरिक्त उपायुक्त सोलन ज़फ़र इकबाल, उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, नगर निगम सोलन के आयुक्त एलआर. वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मानवता और संवेदनशीलता का एक और उदाहरण जिला मण्डी के करसोग में देखने को मिला। जयराम ठाकुर के करसोग विधानसभा प्रवास के दौरान चिंडी विश्राम गृह में जब एक फरियादी महिला ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्या से अवगत करवाया, तो मुख्यमंत्री ने उन्हें तुरंत 2 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की। जिला मण्डी की तहसील करसोग के गांव खडूहन की निवासी सीमा कुमारी को मुख्यमंत्री का यह दौरा आजीवन याद रहेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पति एचआरटीसी में कार्यरत थे। उनके पति की मृत्यु बस हादसे में हुई थी। पति की मृत्यु के बाद उन्हें पांच बेटियों का पालन-पोषण करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या को ध्यानपूर्वक सुना और महिला की समस्या का समाधान करने के उद्देश्य से महिला को मौके पर ही दो लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। सीमा कुमारी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जयराम सरकार गरीबों तथा कमजोर वर्गों की हितैषी सरकार है। उन्होंने इस आर्थिक मदद के लिए मुख्यमंत्री का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान के लिए जो केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा उठाए गए एहम कदमों की भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने ई चिंतन के माध्यम से भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के उत्थान के लिए नरेंद्र मोदी सरकार ने अनेकों योजनाएं एवं कार्य किए जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को पंख लगे, हर गांव को जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़कें बनाई गई जिससे गांव की अर्थिकि स्थिति में सुधार हुआ। प्रधानमंत्री जन धन योजन के अंतर्गत देश मे 43 करोड़ खाते खोले गए जिसमे 144277.46 करोड़ की राशि जमा हुई। अटल पेंशन योजना के तहत अभिदाताओं की कुल संख्या 16 जुलाई 2021 तक 30636000 पहुंची है जिसे जनता को बड़ा लाभ हुआ है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 2018 से अब तक 94291283 किसानों को पंजीकृत किया गया जिससे किसानों को लाभ हुआ। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 25 सितंबर 2014 को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के एक भाग के रूप में दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना ( डीडीयू - जीकेवाई ) की घोषणा की, जिसका दोहरा उद्देश्य है, ग्रामीण गरीब परिवारों की आय में वृद्धि करने के साथ ग्रामीण युवाओं की करियर आकांक्षाओं को पूरा करना, ताकि वे समाज में जिस आदर्श स्थिति की कल्पना करते हैं उसे प्राप्त कर सकें। केंद्र सरकार ने हर गांव में बिजली पहुंचाने का कार्य किया और साथ ही 37 करोड़ से अधिक सीएफएल बल्ब दिए जिससे ग्रामीण क्षेत्र में ज्यादा बिजली पहुची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रामीण क्षेत्र के हर घर को शौचालय दिया जिससे एक बड़ी समस्या का अंत हुआ, महिलाओं का दर्द समझते हुए उन्होंने हर घर को गैस चूल्हा प्रदान किया, उज्वला योजना आज भारत की सबसे बड़ी योजना उभर के आई है। डिजिटल इंडिया के अंतर्गत गांव में केबल डालने का काम शुरू हो चुका है जिस से हर गांव में इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध होगी और काफी गांव में यह काम पूरा भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में भी प्रधानमंत्री द्वारा अद्भुत कार्य किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुल 1.12 करोड़ घरों को मंजूरी दी गई है, जिनमें से 82.5 लाख घरों का कार्य शुरू कर दिया गया है और लगभग 48 लाख पूरे हो चुके हैं। केंद्र सरकार ने आत्मनिर्भर भारत पैकेज 3.0 के तहत औपचारिक क्षेत्र में रोजगार को बढ़ावा देने और कोविड के दौरान नए रोजगार के अवसरों के सृजन को प्रोत्साहित करने के लिए आत्मनिर्भर भारत रोजगार योजना को मंजूरी दी। कैबिनेट ने चालू वित्त वर्ष के लिए 1,584 करोड़ रुपये और पूरी योजना अवधि यानी 2020-2023 के लिए 22,810 करोड़ रुपये के खर्च को मंजूरी दी है ।
डाडा सीबा से ढलियारा मार्ग में आजकल काफी पेड़ सूखी हालत में है। वह पेड़ कभी भी धराशाई होकर सड़क पर या लोगों के घरों पर गिर सकते हैं। सड़क पर चलते हुए वाहन चालक या राहगीर भी चोटिल हो सकते हैं। परंतु विभाग इस बारे में मूकदर्शक बना हुआ है। वंही डाडा सीबा के गांव बतबाड़ में एक आम का सूखा पेड़ स्थानीय लोगों के घरों और आम नागरिकों की जान का दुश्मन बना हुआ है परंतु विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इस पेड़ के गिरने से साथ लगते घरों व सड़क पर चलने वाले लोगों के लिए खतरा पैदा हो सकता है। इसलिए स्थानीय लोगों ने विभाग से मांग की है कि इस पुराने सूखे पेड़ को काटा जाए। आज फिर इस आम के सूखे पेड़ की बड़ी-बड़ी शाखा सड़क पर गिरी। इस हादसे में दो बाइक चालकों कि जान बाल-बाल बची। वंही, इस संबंध में रेंजर एडिशनल चार्ज शशि पाल डाडा सीबा से बात की गई तो उन्होंने बताया दुकानदारों को इस सूखे पेड़ से खतरा है वह फॉरेस्ट विभाग डाडा सीबा में एप्लीकेशन दे शीघ्र ही इस सूखे पेड़ को कटवाया जाएगा।
पट्टाबरावरी में एक व्यक्ति अपने कमरे में मृत अवस्था मे पाया गया। स्थानीय लोगो ने तुरन्त इसकी सूचना पुलिस थाना कुनिहार को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम नागरिक चिकित्सालय अर्की में करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक गोपाल चंद पुत्र सैज राम गांव सतडोल डाकघर ममलीग तहसील कंडाघाट जिला सोलन जोकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टाबरौरी मे चौकीदार पद पर कार्यरत था। मृत्यु का कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सोलन रमेश शर्मा ने कहा कि पट्टाबराबरी स्कूल में एक व्यक्ति मृत अवस्था मे पाया गया है। जिसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मृतक गोपाल चन्द का पोस्टमार्टम अर्की चिकित्सालय में करवाया गया।
विकास खंड परागपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत कस्बा जागीर के प्रधान नरेश कुमार ने एक प्रस्ताव पारित किया है। इस प्रस्ताव में कस्बा जागीर पंचायत के बीपीएल परिवार के किसी भी सदस्य के नशे में धुत पाए जाने पर उसका नाम बीपीएल सूची से काट दिया जाएगा। पंचायत के इस निर्णय पर स्थानीय पंचायत सदस्यो ने भी अपनी सहमति जताई है। यह निर्णय उन लोगो को सबक सिखाने के लिए लिया गया है, जो रोजाना शराब के नशे में धुत रहते है और बीपीएल की सूची में शामिल होने के लिए गरीब बने हुए है। प्रधान नरेश कुमार ने बताया कि जो लोग रोजाना 200, 300 रुपये की शराब पी जाते है वो आज के जमाने में गरीब नही है बल्कि वो गरीबी का ढोंग करके बीपीएल के फायदे उठा रहे है। पंचायत ने चेतवनी दी है कि अगर कोई बीपीएल परिवार का सदस्य नशे की हालत में पाया जाता है तो उसका नाम तुरन्त बीपीएल सूची से काट दिया जाएगा। नरेश कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत कस्बा जागीर को वीकाशील ,स्वच्छ और पारदर्शिता से समस्त कार्यो का करवाना ही उनका एक मात्र लक्ष्य है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी महासंघ की जुब्बल कोटखाई इकाई ने आज से विद्युत बोर्ड प्रबंधन के खिलाफ काले बिल्ले लगाकर अपना रोष प्रकट किया है। यह मुहिम पूरे प्रदेश में जारी है। विद्युत तकनीकी कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपप्रधान सुरेंद्र शर्मा तथा जुब्बल कोटखाई इकाई के प्रधान जोगिंदर सिंह धोलटा, इकाई सचिव रामचंद्र भारद्वाज सहित समस्त पदाधिकारियों ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि 19 जुलाई को विद्युत बोर्ड मुख्यालय शिमला में विशाल धरना प्रदर्शन किया गया था, उसके बावजूद भी बोर्ड प्रबंधन ने कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा किया है। बोर्ड प्रबंधन तकनीकी कर्मचारियों की मांगों को पिछले दो-तीन सालों से लटकाते आ रहा है। जिस कारण कर्मचारियों को यह रुख अख्तियार करना पड़ रहा है, यदि 2 अगस्त तक बोर्ड प्रबंधन ने तकनीकी कर्मचारियों की मांगों को लागू नहीं किया तो विद्युत बोर्ड मुख्यालय स्थित शिमला में संघ के प्रदेश पदाधिकारी क्रमिक अनशन पर बैठेगी, जिसकी सारी जिम्मेदारी विद्युत बोर्ड प्रबंधन की होगी।
कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर सोलन से कैथलीघाट के बीच पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आ गया। मलबा आने के बाद एनएच बाधित हो गया है। पुलिस व फोरलेन निर्माता कंपनी की टीम मौके पर पहुंच कर सड़क को बहाल करने में जुटी हुई है। वहीं ट्रैफिक को चंबाघाट-बसाल-कंडाघाट रूट से डायवर्ट किया गया है। जानकारी के अनुसार यह भूस्खलन ब्रुरी के समीप लगभग पौने ग्यारह बजे हुआ। भूस्खलन के बाद दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी हुई हैं।
दुनिया की तीन बेहतरीन, सुरक्षित और सबसे खूबसूरत एक्रो पैराग्लाइडिंग साइट में से एक बिलासपुर जिले की बंदला धार में बनेगी। विश्व में तुर्की और नेपाल के पोखरा में एक्रो पैराग्लाइडिंग साइटस हैं। पोखरा साइट की ऊंचाई बंदला साइट से कम है, जबकि बंदला एक्रो पैराग्लाडिंग साइट तुर्की साइट के बराबर है। बंदला पैराग्लाइडिंग साइट का पंजीकरण होने के बाद यह दुनिया की तीन सबसे खूबसूरत साइट्स में शुमार होगी। पर्यटन की दृष्टि से बिलासपुर दुनिया भर में मशहूर होगा। पैराग्लाडिंग एसोसिएशन और पर्यटन विभाग के प्रयासों से भारत की एकमात्र एक्रो पैराग्लाइडिंग साइट के पंजीकरण के लिए टेक ऑफ साइट की एनओसी तो मिल गई, लेकिन गोविंदसागर झील के किनारे लैंडिंग करवाने के लिए बीबीएमबी की एनओसी के लिए पिछले 28 साल से प्रयास हो रहे हैं। क्या होती है एक्रो पैराग्लाडिंग एक्रो पैराग्लाडिंग में पैराग्लाइडर आसमान में पैराग्लाइड के साथ कई तरह के करतब करते हैं। साइट से टेक ऑफ करने के बाद मानव परिंदे पानी की झील के ऊपर कई तरह की अठखेलियां करते हैं। एक्रो सिर्फ ऐसी जगहों पर होती है जहां पर नीचे पानी हो। बंदला पैराग्लाइडिंग साइट की लैंडिंग गोविंद सागर झील के किनारे होती है। वहीं झील होने के चलते यह साइट एक्रो के लिए सबसे बेहतर है। जिस वजह से यह विश्व की तीन एक्रो साइटों में शामिल हुई।
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने 97 न्यायिक अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। जिला एवं सत्र न्यायाधीशों में अरविंद मल्होत्रा को पीठासीन अधिकारी श्रम न्यायालय कांगड़ा, जेके शर्मा को हमीरपुर, राकेश कैंथला को मंडी, वीरेंद्र शर्मा को सोलन, आरके शर्मा को मंडी से स्थानांतरित कर निदेशक एचपी न्यायिक अकादमी के पद पर भेजा गया है। इसी तरह आरके चौधरी को सिरमौर, भूपेश शर्मा को ऊना, डीआर ठाकुर को डी एंड एसजे (एफ), शिमला, देवेंद्र कुमार को बिलासपुर, योगेश जसवाल को कांगड़ा, आरके तोमर को पीठासीन अधिकारी श्रम न्यायालय शिमला और शरद कुमार लगवाल को चंबा लगाया गया है। हंसराज को नालागढ़, प्रीति ठाकुर को धर्मशाला, बरिंदर ठाकुर को किन्नौर स्थित रामपुर लगाया गया है। फास्ट ट्रैक कोर्ट पोक्सो धर्मशाला के पीठासीन अधिकारी कृष्ण कुमार को अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायाधीश ऊना, जिया लाल आजाद को सरकाघाट लगाया गया है। फास्ट ट्रैक कोर्ट पोक्सो मंडी के पीठासीन अधिकारी अपर्णा शर्मा को अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायाधीश शिमला लगाया है। अनुजा सूद को सुंदरनगर, फास्ट ट्रैक कोर्ट पोक्सो सोलन की पीठासीन अधिकारी परवीन चौहान को स्पेशल जज सीबीआई शिमला, प्रकाश राणा को चंबा से फास्ट ट्रैक कोर्ट पोक्सो धर्मशाला के पीठासीन अधिकारी, मंडी पंकज शर्मा को फास्ट ट्रैक कोर्ट पोक्सो मंडी, हिमाचल प्रदेश न्यायिक अकादमी की निदेशक अबीरा बासु को सीजेएम सिरमौर, मुख्य न्यायिक दंड अधिकारियों में सचिन रघु को चंबा, प्रशासनिक अधिकारी विधिक सेवा प्राधिकरण गौरव महाजन बिलासपुर, अभय मंडयाल को किन्नौर, प्रताप ठाकुर को शिमला, अरविंद कुमार को चंबा, परविंदर सिंह अरोरा को न्यायिक अकादमी में उप निदेशक के पद पर शिमला, हितेंद्र शर्मा को प्रशासनिक अधिकारी विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला, होशियार सिंह वर्मा को लाहौल-स्पीति लगाया गया है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शीतल शर्मा को घुमारवीं, बसंत लाल वर्मा को कांगड़ा, अनिल कुमार को शिमला, गुरमीत कौर को ठियोग, अमित मंडयाल को सरकाघाट, मोहित बंसल को नालागढ़, नितिन मित्तल को हमीरपुर, नेहा दहिया को देहरा, संदीप सिंह सिहाग को ऊना, दिव्य ज्योति पटियाल को मंडी, निखिल अग्रवाल को शिमला लगाया गया है। वहीं, अक्षि शर्मा को सुंदरनगर, असलम बेग को नूरपुर, मनीषा गोयल को रोहड़ू, विवेक शर्मा को अंब और उपासना शर्मा को पौंटा साहिब तैनाती दी गयी है। एसीजेएम हकीकत ढांडा को सीपीसी हाईकोर्ट लगाया गया है।
लोकसभा उपचुनाव की निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नीरज कुमार ने विभिन्न समितियों और टीमों के गठन के आदेश जारी कर दिए हैं। जिनमें वीडियो सर्विलेंस टीम, वीडियो व्युइंग टीम, अकाउंटिंग टीम, एक्सपेंडिचर मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम, फ्लाइंग स्क्वाड, स्टेटिक सर्विलांस टीम समेत अन्य टीमें और समितियां शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़े मामलों के लिए भी एक स्थाई समिति का गठन जिला स्तर पर किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त इस समिति के अध्यक्ष होंगे। जबकि पुलिस अधीक्षक, एसडीएम उदयपुर व केलांग, लाहौल स्पीति जिला में राजनीतिक दलों के अध्यक्ष अथवा सचिव, चुनाव में हिस्सा लेने वाले सभी प्रत्याशी और जिला लोक संपर्क अधिकारी इसके सदस्य रहेंगे। मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति के अध्यक्ष भी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त रहेंगे। जबकि जिला लोक संपर्क अधिकारी, प्रधानाचार्य केंद्रीय विद्यालय केलांग और आकाशवाणी के केलांग स्थित संवाददाता सदस्य के तौर पर शामिल किए गए हैं। स्वीप ( सिस्टेमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन प्रोग्राम) से जुड़ी गतिविधियों के संचालन के लिए भी जिला स्तर पर कोर कमेटी गठित की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त की अध्यक्षता वाली इस कमेटी में सदस्य के तौर पर एसडीएम, जिला लोक संपर्क अधिकारी, शिक्षा उपनिदेशक, सहायक लोक संपर्क अधिकारी और नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा समन्वयक शामिल रहेंगे। स्पीति क्षेत्र के लिए भी अलग से कमेटी गठित की गई है। इसके अध्यक्ष अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी होंगे। एसडीएम, सहायक लोक संपर्क अधिकारी, शिक्षा उपनिदेशक और यूथ ऑर्गेनाइजर इसके सदस्य रहेंगे।
राजधानी शिमला में मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर परिसर का डंगा ढहने के कारण साथ लगते तीन भवनों को खतरा पैदा हो गया है। प्रशासन ने भवनों को एहतियात के तौर पर खाली करवा दिया गया है। इसमें रह रहे 6 परिवारों के 30 लोगों को प्रशासन ने पीटरहॉफ के सर्किट हाउस में शिफ्ट कर दिया है। एसडीएम शहरी मनजीत शर्मा ने खुद मौके पर जाकर प्रभावितों को भवन से सुरक्षित बाहर निकाला और रेस्क्यू किया। उन्होंने बताया कि ओकओवर में डंगा लगाने के कार्यों के चलते मिट्टी गिरने की संभावना के मद्देनजर भवनों को लोगों की सुरक्षा की दृष्टि से खाली कराया गया है। उन्होंने बताया कि जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। सुबह 4:30 बजे के आसपास डंगा डह गया था। ऐसे में प्रशासन ने भवनों में रह रहे करीब 30 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है। फिलहाल लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी मशीनरी समेत डंगा लगाने के कार्य में जुटे हैं।
प्रदेश में बीते दिन हुई बारिश ने हिमाचल में भारी कोहराम मचाया है। भारी बारिश के कारण हिमाचल में पांच पुल टूटे व 400 सड़कें बंद है। वंही, लाहौल-स्पीति के तोजिंग नाले की बाढ़ ने मंडी के भमसोई गांव को कभी न भूलने वाले जख्म दिए हैं। बाढ़ की चपेट में आने से इस गांव के चार लोग काल का ग्रास बने हैं। हादसे की सूचना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। कई घरों में बुधवार को दिन भर चूल्हा नहीं जला। वीरवार को एक ही गांव से चार अर्थियां उठेंगी। नाले में बही जीप में मंडी जिले के भमसोई और न्योलीधार के सात लोग ठेकेदार के माध्यम से पांगी में रोप-वे का निर्माण कार्य करने जा रहे थे। जीप में भमसोई गांव के छह और पनारसा के न्योलीधार का एक व्यक्ति सवार था। मंगलवार दोपहर बाद सातों ने अपने अपने घरों से पांगी का रुख किया और बुधवार सुबह तोजिंग नाले के पास हादसा हो गया। मृतक निरत राम अपने पीछे पत्नी लता देवी और एक बेटा व तीन बेटियां छोड़ गया है। परिवार में निरत राम ही कमाने वाला था। शेर सिंह के परिवार में पत्नी बिमला देवी और दो बेटे, रूम सिंह के परिवार में पत्नी व एक बेटा और एक बेटी हैं और मेहर चंद अपने पीछे पत्नी और बेटी छोड़ गया है। भमसोई गांव के देसराज और तेजराम के अलावा होतम राम हादसे में बाल-बाल बचा है। बुधवार को जैसे ही सूचना मिली पूरे गांव में हड़कंप मच गया। प्रभावित परिवार फोन पर एक अपनों का हाल जानने में जुट गए। चारों मृतकों का अंतिम संस्कार पैतृक गांव भमसोई के श्मशानघाट में होगा।
कुछ लोग इस दुनिया को छोड़ने से पहले दूसरे लोगों के लिए कुछ ऐसा काम कर जाते हैं कि वे मरने वाले शख्स को ताउम्र नहीं भूल पाते। ऐसा ही कुछ गाजियाबाद की रहने वाले विनिता चौधरी ने किया है। विनिता अपने बिजनेट पार्टनर को बचाकर खुद मौत के मुंह में चली गई। बादल फटने के बाद ब्रह्मगंगा नाले (मणिकर्ण, कुल्लू)में सैलाब आ गया। सैलाब ब्रह्मगंगा में चल रहे कसोल हाइड रिजॉर्ट नामक कैंपिंग साइट की तरफ बढ़ा। अचानक पानी बढ़ता देख विनिता बिजनेस पार्टनर अर्जुन फारसवाल को बचाने के लिए दौड़ी। इसमें वह कामयाब भी हो गई। हालांकि, पानी के सैलाब में अर्जुन घायल हो गया, लेकिन अर्जुन को बचाते-बचाते पानी विनिता को बहाकर ले गया। विनिता चौधरी (25) पुत्री विनोद डागर, गांव निस्तौली, नियर टिला मोड, लोनी रोड, गाजियाबाद यहां बतौर प्रबंधक का काम देख रही थीं। बुधवार को उन्होंने दिल्ली के लिए रवाना होना था। विनिता का बिजनेस पार्टनर हादसे में घायल हुुआ है। उसे कुल्लू अस्पताल लाया गया है। विनिता ने पर्यटन व्यवसाय में कोर्स किया था। वह पर्यटन से संबंधित कार्य बेहतर तरीके से कर रही थी। बता दें कि मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 29 और 30 जुलाई को भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तीन अगस्त तक बारिश का पूर्वानुमान है।
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने बुधवार को कहा कि कोविड-19 टीकाकरण करवा कर ही कोरोना महामारी से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह यानि (19 जुलाई से 25 जुलाई, 2021) के विभिन्न कोविड पॉजिटिव मामलों पर किए गए एक अध्ययन में सामने आया है कि जिन लोगों का कोविड-19 टीकाकरण हुआ है वे कम मात्रा में है और जिन लोगों ने अपना टीकाकरण नहीं करवाया है वे ज्यादा मात्रा में संक्रमित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 19 जुलाई से 25 जुलाई, 2021 तक राज्य में कुल 670 लोग कोविड पॉजिटिव पाए गए, जिनमें से 457 लोगों का कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कोविड पॉजिटिव पाए गए लोगों में 138 लोगों ने कोविड वैक्सीन की पहली खुराक और 63 लोगों ने वैक्सीन की दोनों खुराकें ली थीं। प्रवक्ता ने कहा कि इसी अवधि के दौरान जिला बिलासपुर में कुल 40 पॉजिटिव पाए गए, जिनमें 15 लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ था जबकि 11 लोगों ने वैक्सीन की पहली खुराक व 13 लोगों ने कोविड वैक्सीन की दूसरी खुराक ली थी, जिला चंबा में कुल 175 लोग पॉजिटिव पाए गए, जिनमें 131 लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ था जबकि 37 लोगों ने वैक्सीन की पहली खुराक व 7 लोगों ने कोविड वैक्सीन की दूसरी खुराक ली थी, हमीरपुर में कुल 28 लोग पॉजिटिव पाए गए, जिनमें 15 लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ था जबकि 9 लोगों ने वैक्सीन की पहली खुराक व 4 लोगों ने कोविड वैक्सीन की दूसरी खुराक ली थी। जिला कांगड़ा में कुल 86 लोग पॉजिटिव पाए गए, जिनमें 62 लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ था जबकि 15 लोगों ने वैक्सीन की पहली खुराक व 21 लोगों ने कोविड वैक्सीन की दूसरी खुराक ली थी, किन्नौर में कुल 14 लोग पॉजिटिव पाए गए, जिनमें 5 लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ था जबकि 7 लोगों ने वैक्सीन की पहली खुराक व एक व्यक्ति को कोविड वैक्सीन की दूसरी खुराक लगी थी। जिला कुल्लू में कुल 33 लोग पॉजिटिव पाए गए, जिनमें 25 लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ था जबकि 7 लोगों ने वैक्सीन की पहली खुराक व एक व्यक्ति को कोविड वैक्सीन की दूसरी खुराक लगी थी। लाहौल स्पीति में कुल 7 लोग पॉजिटिव पाए गए जिनमें किसी भी व्यक्ति ने कोविड वैक्सीन नहीं लगवाई थी। जिला मंडी में कुल 153 लोग पॉजिटिव पाए गए, जिनमें 106 लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ था जबकि 31 लोगों ने वैक्सीन की पहली खुराक व 16 लोगों ने कोविड वैक्सीन की दूसरी खुराक, शिमला में कुल 92 लोग पॉजिटिव पाए गए, जिनमें 72 लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ था जबकि 13 लोगों ने वैक्सीन की पहली खुराक व 7 लोगों ने कोविड वैक्सीन की दूसरी खुराक, सिरमौर में कुल 4 लोग पॉजिटिव पाए गए, जिनमें 2 लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ था जबकि 2 लोगों ने वैक्सीन की पहली खुराक, सोलन में कुल 13 लोग पॉजिटिव पाए गए, जिनमें 7 लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ था जबकि एक व्यक्ति को वैक्सीन की पहली खुराक व 2 लोगों ने कोविड वैक्सीन की दूसरी खुराक और जिला ऊना में कुल 25 लोग पॉजिटिव पाए गए, जिनमें 10 लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ था जबकि 5 लोगों ने वैक्सीन की पहली खुराक व 3 लोगों ने कोविड वैक्सीन की दूसरी खुराक ली थी। उन्होंने कहा कि 12 लोग ऐसे पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनका वैक्सिनेशन संबंधी कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में कोविड-19 महामारी का प्रभाव कम हुआ है लेकिन यह महामारी अभी खत्म नहीं हुई है, इसलिए अभी भी इससे सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी की संभावित तीसरी लहर से बचाव के दृष्टिगत कोविड अनुरूप व्यवहार जैसे परस्पर दूरी बनाए रखना, साबुन-पानी से हाथ धोना या सैनिटाईजर से हाथ साफ करना और मास्क का उपयोग करना आदि नियमों का कड़ाई से पालन करना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
शिमला : क्षय रोग मुक्त हिमाचल अभियान की सफलता के लिए सभी संबंध विभाग समन्वय स्थापित कर सक्रियता से कार्य करें ताकि जिला शिमला में क्षय रोग के मामलों को पूर्ण रूप से खत्म किया जा सके। यह बात उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने इस अभियान को सुचारू रूप से चलाए जाने के लिए की जाने वाली तैयारियों के संबंध में बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने बताया कि क्षय रोग सक्रिय मामलों का पता लगाने के लिए क्षयमुक्त हिमाचल अभियान आगामी 1 अगस्त से 31 अगस्त, 2021 तक चलेगा। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत जिला में घर-घर जाकर लोगों की क्षय रोग परीक्षण व जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरे देश में चलेगा। अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति के थूक की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत जिला में कार्यदलों की नियुक्ति कर इसे व्यापकता प्रदान की जाए ताकि प्रत्येक व्यक्ति को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने प्रत्येक स्तर पर टीम का गठन कर कार्य करने को कहा, जिसमें आशा एवं आंगनबाड़ी वर्कर, आयुर्वेद, फार्मासिस्ट तथा अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी शामिल होंगे। उन्होंने अधिकारियों को इस अभियान के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर बल दिया। उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि खांसी, बुखार यदि दो हफ्ते से अधिक रह रहा हो अथवा वज़न घट रहा हो या रात में पसीने आ रहे हो, ऐसे लक्षण वाले लोग अपने थूक की जांच अवश्य करवाएं। जिला क्षय रोग अधिकारी डाॅॅ. राकेश भारद्वाज ने कहा कि शोध में पाया गया है कि कोविड से ग्रसित रोगी के ठीक होने के बाद भी यदि खांसी, बुखार के लक्षण रहते हो तो टीवी की जांच अवश्य करवाएं। यह संभावना हो सकती है कि व्यक्ति में टीवी के लक्षण हो। 10 में से एक व्यक्ति क्षय रोग से ऐसे में ग्रसित पाया गया है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सुरेखा चैपड़ा, स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. हरि राम, जिला आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डाॅ. पवन जैरथ, जिला कार्यक्रम अधिकारी वंदना चैहान, एकीकृत बाल विकास अधिकारी ममता पाॅल तथा जिला कार्यक्रम समन्वयक तनुजा भी उपस्थित थी।
वूल फेडरेशन के चेयरमैन व प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर ने पालमपुर में पत्रकारों को संबोधित करए हुए कहा की पालमपुर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में विकास के पथ पर है। उन्होंने कहा कि बेशक हम विधानसभा चुनाव हारे लेकिन फिर भी पालमपुर में विकास को रुकने नही दिया बल्कि और गति शील किया गया l पालमपुर आगे बढे उसी दृष्टि से इंदु गोस्वामी को संसद में जाने का मौका मिला और वहीं खुद मुझे दोबारा वूल फेडरेशन का अध्यक्ष बनाया गया ताकि पालमपुर का विकास न रुकेl इसी कड़ी में पालमपुर आगे बढ़े इसे लेकर पालमपुर को मुख्यमंत्री ने खुद नगर निगम बनाया। हमने जो कहा था करके दिखाया और हिमाचल में जहां 825 घर मंजूर हुए उसमें से पालमपुर में 340 घर मंजूर करवाये व वहीं युवाओं को रोजगार मुहैया करवाए गए l वही त्रिकोल कपूर ने कुछ आंकड़े साझा करते हुए कहा कि इन आंकड़ों से ही साफ हो जाएगा कि जिसमें कांग्रेस ने अपने पांच सालों में पालमपुर के विकास के लिए कितना पैसा किस विभाग को मुहैया करवाया और भाजपा ने अपने साढे तीन सालों में क्या दिया। उन्होंने बताया कि पालमपुर में लोक निर्माण विभाग में कांग्रेस ने अपने पांच सालों में 58 करोड़ 30 लाख और भाजपा सरकार ने साढ़े तीन सालों में 75 करोड़ 36 लाख, भूसंरक्षण विभाग में कांग्रेस ने 11 करोड़ 23 लाख और भाजपा ने 18 करोड़, जल शक्ति विभाग में कांग्रेस ने 23 करोड़ 97 लाख और भाजपा ने 41 करोड़ 33 लाख व वन विभाग में कांग्रेस ने 5 करोड़ 98 लाख व भाजपा ने 7 करोड़ 4 लाख रुपये दिए। जबकि कांग्रेस ने पालमपुर विस में अपने पांच सालों में लोगों को 337 तो भाजपा ने नगर निगम समेत 447 घर दिए।
शिमला :कोरोना की संभावित तीसरी लहर के दृष्टिगत जिला शिमला के विभिन्न क्षेत्रों में समर्पित कोविड स्वास्थ्य केन्द्रों में की गई तैयारियों की समीक्षा बैठक आज उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपने क्षेत्र में इन तैयारियों के तहत किए जाने वाले कार्यों को सक्रियता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए जाने है अथवा ऑक्सीजन उपलब्धता से संबंधित किए जाने वाले कार्यों को बिना समय गवाएं जल्द पूरा करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटे-छोटे मसलों को अपने स्तर पर हल कर कार्यों को गति प्रदान करें। उन्होंने उपमण्डल स्तर पर उमपण्डलाधिकारियों को इस संबंध में निरीक्षण व निगरानी के आदेश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग तथा केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को विभिन्न केन्द्रों में लगने वाले ऑक्सीजन प्लांटों के कार्यों को अभिलंब पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिमला नगर के अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षकों को इन कार्यों में व्यक्तिगत रूचि लेकर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्य शीघ्र अति शीघ्र किए जाने आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में यदि सरकार के स्तर पर कोई कार्य किया जाना है उस संबंध में जल्द सूचित करें ताकि कार्यों में किसी प्रकार का व्यवधान् उत्पन्न न हो और संभावित तीसरी लहर देखते हुए हम तैयारियों की पूर्ति के लिए सक्षम हो सके। बैठक में समस्त उपमण्डलाधिकारी, आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. जनक राज, चिकित्सा अधीक्षक कमला नेहरू अस्पताल डाॅ. अंबिका , लोक निर्माण विभाग तथा केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
किन्नौर : कैच दी रैन अभियान को सफल बनाने के लिए जन सहभागिता जरूरी है। उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने आज जल शक्ति विभाग के ”कैच दी रैन“ अभियान की जिला स्तरीय समीति की बैठक कि अध्यक्षता करते हुए कहा कि जल संरक्षण सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है तथा इस दिशा में विभागों के सार्थक प्रयास आवश्यक है। उपायुक्त किन्नौर ने कहा कि जल का संरक्षण वर्तमान समय की मांग है जल की एक-एक बून्द को बचा कर जल का सदुपयोग कर भावी पीढ़ी के लिए पर्याप्त मात्रा में जल उपलब्ध करवाया जा सकता है। जिसके लिए सरकारी, प्रशासनिक एवं आम जन की भागीदारी आवश्यक है। उन्होनें कहा कि इस अभियान के तहत लोगों की सक्रिय भागीदारी के साथ जल संचयन गडे, छत वर्षा जल संचयन, चैक डैम बनाने, टैंकों का भंडारण क्षमता को बढाने व जल संचयन संरचनाओं को मुरम्मत जैसे कार्यो को अभियान में शामिल कर भविष्य के लिए पानी की कमी को पूरा किया जा सकता है। उन्होनें कहा कि वर्षा जल संग्रहण के लिए भवनों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर सभी सरकारी भवनों, पंचायत घरों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, विद्यालयों तथा प्राथमिक स्वास्थय केन्द्रों के समीप वर्षा जल संरक्षण टैंक निर्मित किए जाए। उन्होनें वन विभाग के अधिकारीयों को निर्देश दिए कि भूमि कटाव सम्भावित क्षेत्रों एवं नदी नालों के समीप अधिक से अधिक पौधरोपण कर कृषि योगय भूमि के कटाव को रोका जा सकें। उपायुक्त ने कहा जल शक्ति विभाग को जल संरक्षण के लिए प्रभावी योजना बनाई जानी चाहिए। जिससे जल संरक्षण की नई तकनीक के माध्यम से जल संचयन किया जा सके। उन्होनें पारंपरिक जल स्त्रोतों के सरंक्षण और संवर्धन पर भी चर्चा की। उन्होनें नेहरू युवा केन्द्र के साथ महिला मण्डल, युवक मण्डल और अन्य गैर सरकारी संगठनों को साथ जोड कर वर्षा जल संरक्षण की दिशा में कार्य करने व आम जन को जागरूक करने के निर्देश दिए। ताकि जिले में बेहतर जल संरक्षण संरचनाएं तैयार की जा सकें। इस अवसर पर उपमण्डलाधिकारी अधिकारी कल्पा स्वाती डोगरा, वनमण्डलाधिकारी रजनोल्ड राॅयस्टन, सदस्य सचिव जल शाक्ति विभाग सुमित सूद, परियोजना अधिकारी ग्रामीण विकास अभिकरण जंयवन्ती ठाकुर, अधिशाषी अभियन्ता लोक निमार्ण विभाग अंशुल चैधरी, जिला युवा समन्यवयक नेहरू युवा केन्द्र प्रिंयका व विभिन्न विभागों के विभगाध्यक्ष तथा कर्मचारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने बुधवार को मंडी जिले के करसोग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अशला व करसोग में लगभग 55 करोड़ रूपये की सड़क, जलापूर्ति, पुल और भवन निर्माण परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। उन्होंने अशला में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 10 करोड़ 28 लाख रूपये की उठाऊ पेयजल योजना बैहना खड्ड से सराहन, तेबन, ग्वालापुर, बालीधार, सनारली, 2 करोड़ 62 लाख रूपये की लागत से उठाऊ पेयजल योजना शाहोट, नांज एवं चैरीधार, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 5 करोड़ 81 लाख रूपये की लागत से बनने वाली सराहन से शनोग सड़क व शकैलड़ से तुमन सड़क में घोरली खड्ड पर 2 करोड़ 62 लाख रूपये के व्यय से बनने वाले पुल के शिलान्यास किए। उन्होंने 2 करोड़ 80 लाख रूपये के व्यय से निर्मित खड़ारगली-सोमाकोठी सड़क का उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने करसोग में एक करोड़ 26 लाख रूपये की लागत से निर्मित विषय विशेषज्ञ, बागवानीद्ध कार्यालय भवन, 16 करोड़ रूपये की लागत से बखरोट-सनारली-केलोधार-लुहरी सड़क के विस्तारीकरण कार्य, 4 करोड़ 55 लाख रूपये से बनने वाली ममेल-भनेरा सड़क व एक करोड़ 4 लाख रूपये की लागत से बनने वाले उप कोषागार कार्यालय का शिलान्यास किया। उन्होंने 2 करोड़ 91 लाख रूपये की लागत से तैयार दबरोट-महानधी सड़क, 85 लाख रूपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन सेरी बंगलो तथा 4 करोड़ 43 लाख रूपये की लागत से निर्मित सेरी-माहाबण सड़क का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने अशला और करसोग में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कि कहा कि करसोग विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 51 पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं पर कार्य चल रहा है जिन पर लगभग 77 करोड़ रूपये की धनराशि खर्च की जा रही है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान करसोग क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 42 करोड़ रूपये की लागत से 13 सम्पर्क सड़कों का निर्माण किया गया है। क्षेत्र में नाबार्ड के तहत 36 किलोमीटर सड़कों के निर्माण पर लगभग 27 करोड़ रूपये की राशि खर्च की गयी जबकि राज्य योजना के अंतर्गत सड़कों व पुलों के निमार्ण पर लगभग 16 करोड़ रूपये की राशि खर्च की गयी है। जय राम ठाकुर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अशला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने, अशला में पशु औषधालय खोलने, उच्च विद्यालय रिछणी को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने, माध्यमिक विद्यालय बाग चैवासी को उच्च विद्यालय में स्तरोन्नत करने तथा क्षेत्र के तीन सम्पर्क मार्गो के निर्माण के लिए 10-10 लाख रूपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पिछले साढ़े तीन सालों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 12,802 मामले स्वीेकृत किए गए जबकि 70 वर्ष से अधिक आयु के 5824 लोगों को पेंशन प्रदान करने पर 2 करोड़ 62 लाख रूपये की राशि खर्च की गयी। गृह निर्माण के अंतर्गत एक करोड़ 28 लाख रूपये खर्च किए गए। एकीकृत बागवानी मिशन के अंतर्गत इस अवधि में 88 लाख रूपये खर्च कर 499 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत एक करोड़ 36 लाख रूपये खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि करसोग में लगभग 3 करोड़ रूपये की लागत से बस अड्डे का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इस अवसर पर करसोग के विधायक हीरा लाल ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यो की जानकारी दी। उन्होंने करोड़ों रूपये की परियोजनाओं से क्षेत्र के लोगों को लाभान्वित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। भाजपा मंडलाध्यक्ष करसोग कुंदन सिंह ठाकुर सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता तथा पंचायती राज संस्थाओं के पदाधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
लडभडोल क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश से जगह जगह भूस्खलन और ल्हासे गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। खड़ीहार पंचायत में बरसात इस बार आफत बनकर बरस रही है । जिसके कारण पंचायत के कई स्थानों पर जगह-जगह भारी भूस्खलन हो चुका है और कई घरों को भी खतरा पैदा हो गया है तथा लोग डर के साए में जी रहे हैं। गदयाडा वार्ड के बगड़ेना गांव में जगह-जगह भूस्खलन होने से पूरे गांव को ही खतरा पैदा हो गया है तथा यही हाल ठारा वार्ड के ठारा गांव में भी है। बगड़ेना गाँव के राजकुमार की गौशाला बुधवार सुबह भारी बारिश के कारण ढह गई, गाँव के बीच से मोक्षधाम को जाने वाला रास्ता और खेत भी ढह गया है तथा खडीहार स्कूल से लगभग सौ मीटर पीछे सड़क में भूसंखलन होने से डंगा भी ढह गया है तथा सड़क में जगह जगह ल्हासे गिर गए हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मौका पर आकर नुकसान का जायजा लेकर उचित सहायता की जाए। खड़ीहार पंचायत प्रधान मनोहर लाल ने कहा कि बरसात के कारण जगह जगह भारी भूसंखलन हो रहा है तथा लोगों के घरों को भी खतरा पैदा हो गया है। प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की जाती है की मौके का जायजा करके उचित कार्यवाही अमल में लाई जाए।
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून 2 से 13 अगस्त तक चलेगा। सत्र काे सुचारू रूप से चलाने के लिए जल्द ही सर्वदलीय बैठक आयोजित हाेगी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने आज विधानसभा सचिवालय परिसर का आगामी मानसून सत्र के दृष्टिगत चल रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए विस्तृत दौरा किया। परमार ने परिसर में चल रहे विकासात्मक कार्यों तथा अन्य मुरम्मत कार्यों का निरिक्षण भी किया। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा का 10 दिवसीय मानसून सत्र दाे अगस्त से आरम्भ होने जा रहा है। इस अवसर पर विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा, संयुक्त सचिव (प्रशासन) विधानसभा बेग राम कश्यप, उप निदेशक विधान सभा हरदयाल भारद्वाज, विधानसभा अध्यक्ष के सचिव प्रकाश ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियन्ता डॉ0 रवि कुमार कौंडल, विधानसभा सचिवायल के अनुभाग अधिकारी प्रशासन राजेन्द्र ठाकुर, तथा सत्र की तैयारियों में लगे अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद थे। इस अवसर पर परमार ने अधिकारियों को समय रहते सभी कार्यों को पूर्ण करने के आदेश दिये। परमार ने परिसर की साफ सफाई को भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुस्तकालय कक्ष, मिडिया सैंटर, मुख्यमंत्री तथा मंत्रीपरिषद के सदस्यों के चैम्बर, अभी हाल ही में नियुक्त हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्य सचेतक तथा उप मुख्य सचेतक के चैम्बर, पत्रकार दीर्धा, दर्शक दीर्धा तथा सदन के अन्दर चल रहे मुरम्मत कार्यों का निरिक्षण किया तथा कुछ और अरिरिक्त मुरम्मत कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उनहेंने विधानसभा के प्रतिक्षालय भवन का भी निरिक्षण किया तथा वहां आगन्तुकों के लिए समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिये। परमार ने कहा कि सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश व जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ 29 जुलाई को दाेपहर 3 बजे बैठक बुलाई गई है। परमार ने कहा कि सत्र को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग देने हेतु शीघ्र ही सर्वदलीय बैठक बुलाई जा रही है।
गुरु नानक गैस एजेंसी जोगिंदर नगर एवं विवेकानंद मेडिकल हॉस्पिटल पालमपुर के सौजन्य से 1 अगस्त 2021 रविवार को गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा जोगिंदर नगर में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। गुरु नानक गैस एजेंसी जोगिंदर नगर के एमडी दमनदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस चिकित्सा शिविर में हिमाचल के प्रसिद्ध डॉक्टर आएंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मेघना थूसू, डेंटल सर्जन डॉक्टर रारवता सिंह, मेडिसन विशेषज्ञ डॉक्टर अवधेश तोमर, हड्डियों के सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर हरविंदर देव व आंख विशेषज्ञ डॉक्टर नताशा अहरी क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगें। उन्होंने कहा कि इस चिकित्सा शिविर के दौरान जो लोग अपना इलाज कराने के लिए आएंगे उन्हें दवाइयां भी मुफ्त दी जाएंगी। दमनदीप सिंह ने बताया कि इस कैंप के बारे में अधिक जानकारी के लिए गुरु नानक गैस एजेंसी में आकर या उनके मोबाइल नंबर 80194-00003 पर संपर्क करके प्राप्त कर सकते हैं।
बुधवार को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नडडा के कर कमलों द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयं सेवक अभियान का केन्द्रीय कार्यालय दिल्ली में शुभारम्भ हुआ। राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयं सेवक अभियान के दृष्टिगत आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में देश भर के 33 प्रातों/केन्द्र शासित प्रदेशों के 121 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। एक दिवसीय यह प्रशिक्षण वर्ग पांच सत्रों में आयोजित किया गया। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नडडा ने इस अवसर पर बोलते हुए भाजपा का आहवान किया कि हमें देश के दो लाख गांव में चार लाख हैल्थ वालिंटियर तैयार करने हैं और जो किसी भी संभावित कोविड वेव से समाज को जागरूक करने, समाज सेवा करने के लिए तत्पर हों। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सेवा ही संगठन है और हम सब इसी विचारधारा एवं दृष्टिकोण के साथ राष्ट्र सेवा में कार्यरत हैं। विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्षा डा. राजीव बिन्दल जो राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयं सेवक अभियान के संयोजक भी हैं ने प्रशिक्षण वर्ग में कहा कि हमें गांव स्तर पर बनाए जाने वाले स्वास्थ्य सवयं सेवकों को कोविड-19 के प्रति पूर्ण रूपेण जानकार बनाना है ताकि वे अपने गांव, अपने मोहल्ले में आने वाले क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक कर सकें। डा. बिन्दल ने कहा कि हमारा संगठन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा राष्टीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नडडा के मागदर्शन में इस लक्ष्य को पूरा करेगा और कोरोना को हरा कर ही हम दम लेंगे। देश भर से पधारे 33 प्रांतों/केन्द्र शासित प्रांतों के 121 प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण शिविर में अपने सुझाव और विचार भी व्यक्त किए। प्रशिक्षण शिविर में सभी प्रतिनिधियों को कोरोना की संभावित तीसरी वेव के दृष्टिगत प्रभावितों की सहायता और जानकारी प्रदान करने सम्बन्धी महत्पूर्ण और लाभाकारी जानकारी उपलब्ध करवाई गई है।
दाड़लाघाट : राजकीय प्राथमिक पाठशाला सेरा में स्कूल प्रबंधन समिति की आम सभा का आयोजन किया गया। आम सभा सचिव बृजलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। आम सहमति से धर्मपाल ठाकुर को स्कूल प्रबंधन समिति का प्रधान चुना गया। प्रबंधक समिति में मंजू कुमारी, नीलम, अमरावती, भावना तथा यशपाल को कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया। नवनिर्वाचित प्रधान धर्मपाल ठाकुर ने नव कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए कहा कि सर्वप्रथम कार्यकारिणी का दायित्व स्कूल की विकासात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना और विशेषकर बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता पर अधिक ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में बच्चों की पढ़ाई का बहुत नुकसान हुआ है। इसलिए उस कमी को दूर करने के लिए अभिभावकों तथा अध्यापकों में सामंजस्य स्थापित करने की बेहद जरूरत है। उन्होंने कहा यह कार्यकारिणी 3 वर्ष तक अपना कार्य बखूबी करेगी। विद्यालय के प्रभारी अध्यापक बृजलाल शर्मा, हीरा देवी तथा सुमन महाजन ने नई कार्यकारिणी को बधाई व शुभकामनाएं दी।
बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई द्वारा विभिन्न छात्र मांगों को लेकर अधिष्ठाता अध्ययन को ज्ञापन सौंपा गया।इस ज्ञापन को विश्वविद्यालय में दाखिले की प्रवेश परीक्षा करवाने, विश्वविद्यालय की ऑनलाइन प्रणाली को सुदृढ़ करने ,धीमी रफ्तार से चले हुए इंटरनेट सुविधा को दुरुस्त करने, विश्वविद्यालय में सभी छात्रों के लिए हॉस्टल खोलने और प्रवेश परीक्षा का शेड्यूल जारी करने के संबंध में सौंपा गया। इकाई अध्यक्ष विशाल सकलानी ने बताया कि विश्वविद्यालय में धीमे इंटरनेट की वजह से प्रदेश भर के हजारों छात्र परेशान हो रहे हैं और इंटरनेट ने विश्वविद्यालय की रफ्तार भी धीमी कर दी है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में प्रदेशभर से दूरदराज क्षेत्रों से छात्र विश्वविद्यालय में परीक्षा संबंधित अनेकों समस्याओं का समाधान करवाने पहुंचते हैं लेकिन विश्वविद्यालय में खराब इंटरनेट सुविधा होने के कारण वह निराश होकर वापस घर चले जाते हैं, विश्वविद्यालय में वाईफाई के उपकरण 10 साल पुराने हैं जिन्हें बदलना समय की मांग है लेकिन सुस्त विश्वविद्यालय प्रशासन अभी तक इसकी टेंडर प्रक्रिया तक भी शुरू नहीं कर पाया जिसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। इसी के साथ साथ विश्वविद्यालय की वेबसाइट बहुत ही धीमी रफ्तार से चलती है तथा अनेकों तकनीकी समस्याएं आए दिन इस वेबसाइट में रहती हैं। हाल ही में विश्वविद्यालय ने टेस्टिंग स्टेज पर ही 2017 बैच का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया जिससे प्रदेश भर के हजारों छात्र मानसिक रूप से दबाव में आए। उन्होंने कहा की विश्वविद्यालय प्रशासन पीजी के दाखिले प्रवेश परीक्षा के आधार पर ही करवाएं और पिछले वर्ष की भांति मेरिट आधार पर दाखिले कर हजारों छात्रों के साथ धोखाधड़ी ना करें और विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा प्रवेश परीक्षा का शेड्यूल जारी करें ताकि छात्र अपनी तैयारी ठीक से कर सकें। उन्होंने कहा की आज विश्वविद्यालय की नाकामी के कारण हजारों छात्र शिमला में 5 से ₹7000 का कमरा लेकर किराए भर रहे हैं, शोधार्थी अपना शोध ठीक से नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें अनेकों आर्थिक तंगीयों का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में विश्वविद्यालय को चाहिए कि शोधार्थियों के लिए तथा अन्य छात्रों के लिए शीघ्र विश्वविद्यालय के हॉस्टल क्रमानुसार खोले जाए। विश्वविद्यालय जल्द प्रवेश परीक्षा पर अपना रुख स्पष्ट करें व प्रवेश परीक्षा का शेड्यूल जारी करें, ई आर पी सिस्टम को दुरुस्त किया जाए तथा विश्वविद्यालय की इंटरनेट सुविधा को दुरुस्त किया जाए और शोधार्थियों तथा अन्य छात्रों के लिए शीघ्र अति शीघ्र छात्रावास खोले जाएं। यदि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थी परिषद की मांगों को पूरा नहीं करेगा तो विद्यार्थी परिषद छात्रों को लामबंद करते हुए आंदोलन करेगी ।
पूर्व सैनिकों के आश्रित बच्चां के लिए अनुबन्ध आधार पर प्रशिक्षित स्नातक अध्यापक, कला (टीजीटी आर्टस) के 39 पदों को भरने के लिए काउन्सलिंग 06 अगस्त, 2021 को आयोजित की जाएगी। यह जानकारी उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा सोलन रोशन जसवाल ने दी। रोशन जसवाल ने कहा कि पूर्व सैनिकों के आश्रित बच्चों के लिए भरे जा रहे इन 39 पदों में 18 पद पूर्व सैनिक सामान्य वर्ग, 17 पद पूर्व सैनिक अनुसूचित जाति वर्ग तथा 04 पद पूर्व सैनिक अनुसूचित जनजाति वर्ग के हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक सामान्य श्रेणी के आश्रित बच्चों के लिए बीएड उत्तीर्ण करने का वर्ष 2003 निर्धारित किया गया है। पूर्व सैनिक अनुसूचित जाति वर्ग के आश्रित बच्चों के लिए बीएड उत्तीर्ण करने का वर्ष 2006 तथा पूर्व सैनिक अनुसूचित जनजाति वर्ग के आश्रित बच्चों के लिए बीएड उत्तीर्ण करने का वर्ष 2010 निर्धारित किया गया है। उपनिदेशक ने कहा कि उन सभी अभ्यर्थियों को काउन्सलिंग में भाग लेने के लिए पंजीकृत पत्र प्रेषित किए जा चुके हैं जिनके नाम सम्बन्धित रोजगार कार्यालय द्वारा उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा के कार्यालय को भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी को बुलावा पत्र प्राप्त नहीं हुआ है तो भी वे 06 अगस्त, 2021 को होने वाली काउन्सलिंग में अपने शैक्षणिक मूल प्रमाण पत्रों तथा उनकी छायाप्रतियों सहित भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि रोजगार कार्यालय में पंजीकृत उपरोक्त बैच के पात्र अभ्यर्थियों का नाम उपनिदेशक प्रारम्भिक शिक्षा के कार्यालय को प्रेषित न हुआ हो तो भी वे रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड, अध्यापक पात्रता उत्तीर्ण प्रमाण पत्र दिखाकर काउन्सलिंग में उपस्थित हो सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नम्बर 01792-230440 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
जिला पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की जिला स्तरीय त्रेमासिक बैठक शुक्रवार 30 जुलाई को पट्टा महलोग के अम्बिका माता मन्दिर परिसर में सुबह 11 बजे आयोजित होगी। जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष केडी शर्मा करेंगें। केडी शर्मा तथा महा सचिव जगदीश पंवर ने जिला कार्यकारणी संगठनों तथा समस्त 11 इकाईयों के प्रधान तथा महासचिवों से अपील की है कि इस त्रेमासिक बैठक में समय पर पहुंचे। केडी शर्मा ने कहा कि त्रेमासिक बैठक में पेंशनरों की मांगों के अलावा जिला कार्यकारिणी के चुनाव पर विशेष रूप से चर्चा होगी। यह जानकारी प्रेस सचिव डीडी कश्यप ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से साँझा की।
चंबा-पठानकोट एनएच पर चनेड़ के समीप नाले का जलस्तर बढ़ने से एक व्यक्ति पानी के तेज बहाव में बह गया। उक्त व्यक्ति की पहचान सुनील कुमार पुत्र भीखो राम, निवासी गांव सिढ़कुंड के रूप में हुई है जो एक जेसीबी हेल्पर के रूप में कार्य कर रहा था। पुलिस ने हेल्पर को खोजने के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर शाम के समय जेसीबी हेल्पर सुनील कुमार आपरेटर अनु कुमार के साथ दुकान पर कुछ सामान लेने गया था। दुकान पर सामान खरीदने के बाद ये दोनों वापस क्वार्टर की ओर लौट रहे थे। जब वे नाला पार करने लगे तो अचानक तेज बारिश के बीच जलस्तर बढ़ गया। जलस्तर बढ़ने के कारण नाला पार कर रहा सुनील कुमार तेज बहाव में बह गया जबकि आपरेटर पानी की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। हेल्पर के नाले में बहने के बाद वहां मौजूद वाहन चालकों द्वारा इसकी सूचना पुलिस व प्रशासन को दी गई। साथ ही लोगों ने सर्च अभियान शुरू कर दिया। कुछ ही देर में पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची तथा हेल्पर को खोजने के लिए अभियान तेज किया गया। लेकिन देर रात तक उसका कोई भी सुराग नहीं लग पाया। वहीं मार्ग के बंद होने के कारण वाहन भी फंसे रहे। देर रात तक करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। उधर, सदर थाना प्रभारी चंबा सकीनी कपूर का कहना है कि सूचना मिलने के उपरांत सर्च अभियान शुरू कर दिया गया। वहीं उपायुक्त चंबा डीसी राणा का कहना है कि हेल्पर के नाले में बहने के बारे में सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस को खोजी अभियान शुरू करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एनएच प्रबंधन को भी मार्ग को बहाल करने को कहा गया है।
बुधवार को भरोली जदीद पंचायत में प्रधान अनीश धीमान की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन किया गया । ग्राम सभा का कोरम पूरा करने के लिये 90 ग्रामवासियो की आवश्यकता थी परंतू ग्राम सभा मे 105 सदस्यों ने हाजरी भरी। ये बड़ी उपलब्धि ग्राम पंचायत की कार्य प्रणाली को दर्शाती है। ग्राम पंचायत भरोली जदीद में 30 लाख के काम डाले गए । इस ग्राम सभा मे पंचायत कर्मचारी के अलावा सभी विभागों के कर्मचारी शामिल रहे । जिसमें स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग, जल शक्ति विभाग, आशा वर्कर्स प्रमुख हैं । प्रधान अनीश धीमान ने अपनी पंचायत के लोगो को जिस भी विभाग से सबधिंत कर्मचारियों को बताने का आग्रह किया व कर्मचारीयो ने बड़ी सहनशीलता के साथ लोगो की समस्याओं को सुना और पूरी जिम्मेदारी के साथ हल करने का आश्वासन दिया। इस सारी करवाई पर पंचायत सचिव रीना देवी तकनिनकी सहायक वजिन्दर सिंह उप प्रधान सुरेंदर कुमार व पंचायत सदस्यों का बहुत सहयोग रहा। प्रधान अनीश धीमान व उप प्रधान सुरेंदर कुमार ने पंचयात के लोगो को जर्नल हाउस में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने व कोरम पूरा करने पर धन्यवाद किया व अपील की कि आगे आप लोग ऐसे ही पंचायत का सहयोग करते रहेंगे।
सोलन जिला की विभिन्न ग्राम पंचायतों में उचित मूल्य की नई दुकानें खोलने के लिए इच्छुक व्यक्तियों एवं संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र कुमार धीमान ने दी। नरेंद्र कुमार धीमान ने कहा कि हाल ही में आयोजित जिला स्तरीय जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक में सोलन जिला के विकास खण्ड सोलन की ग्राम पंचायत डांगरी, विकास खण्ड नालागढ़ की ग्राम पंचायत मलौण, ग्राम पंचायत सरौर, ग्राम पंचायत गागूवाल तथा ग्राम पंचायत भोगपुर और विकास खण्ड कुनिहार की ग्राम पंचायत साई में उचित मूल्य की दुकानें खोलने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि इन ग्राम पंचायतों में उचित मूल्य की दुकानें खोलने के लिए इच्छुक व्यक्तियों एवं संस्थाओं द्वारा 18 अगस्त, 2021 सांय 5.00 बजे तक निर्धारित प्रपत्र पर आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रपत्र सम्बन्धित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निरीक्षक अथवा जिला नियंत्रक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सोलन के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। नरेंद्र कुमार धीमान ने कहा कि इन ग्राम पंचायतों में उचित मूल्य की दुकानें खोलने के सम्बन्ध में अधिक जानकारी जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक सोलन के कार्यालय से किसी भी कार्यदिवस पर व्यक्तिगत रूप में अथवा दूरभाष नम्बर 01792-224114 पर प्राप्त की जा सकती है।
रात को मनाली-लेह सड़क मार्ग पर होने वाला यातायात भी रहेगा बंद : मंगलवार दोपहर बाद हुई भारी बारिश के चलते लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन ने एक एडवाइजरी जारी की है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि बारिश की वजह से उदयपुर से लेकर पांगी और काजा से केलांग के बीच भी बरसाती नालों में उफान से सड़क जगह-जगह बाधित हुई हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल सड़क बहाली तक पर्यटकों के अलावा अन्य सभी लोग पूरी एहतियात बरतें और सफर ना करें। बीआरओ सड़क की बहाली में जुट गया है। उन्होंने कहा कि रात को मनाली-लेह सड़क मार्ग पर भी यातायात बंद रहेगा। उपायुक्त ने बताया कि लेह प्रशासन से भी इस सम्बंध में सूचना प्राप्त हुई है। लिहाजा पर्यटक और अन्य लोग सावधानी बरतें और सड़क बहाल होने के बाद ही आगे का सफर जारी करें।


















































