कोविड-19 के खिलाफ चुनौतीपूर्ण लड़ाई में राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में संचालित की जा रही एंबुलेंस-108 और जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम-102 (जेएसएसके-102) सेवा कोरोना संक्रमित हजारों लोगों के जीवन को बचाने का माध्यम बनी हैं। प्रदेश में कोविड महामारी के आरंभ से ही संक्रमित मरीजों को अस्पताल पहुंचाने व स्वस्थ्य होने वाले मरीजों को वापस घर पहुंचाने का जिम्मा राज्य सरकार द्वारा एंबुलेंस-108 और जेएसएसके-102 सेवा को सौंपा गया और इस कार्य के लिए कुल 123 एंबुलेंस तैनात की गई। जिन्होंने सरकार के दिशा-निर्देशानुसार प्रभावी कार्य करते हुए आपातकालीन स्थितियों में कोविड मरीजों को अस्पताल पहुंचाने संक्रमित मरीजों के ठीक होने पर उन्हें वापस घर छोड़ने के साथ-साथ दुर्गम व ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड-19 टेस्ट करने में भी एंबुलेंस-108 और जेएसएसके-102 सेवा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 108 नंबर पर डायल कर कोविड-19 की किसी भी आपातकालीन स्थिति में इस सेवा का लाभ उठाया जा सकता है। राज्य सरकार द्वारा कोविड-19 के आरम्भ से ही मरीजों को एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 60 राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा-108 को तैनात किया गया था। जिन्हें कोविड-19 के गंभीर मरीजों को आपातकालीन स्थिति में स्वास्थ्य संस्थानों में पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई। कोविड ड्यूटी के लिए तैनात की गई इन सभी एंबुलेंस ने प्रदेश भर के सभी जिलों में अभी तक 41945 कोविड पाॅजिटिव मरीजों को विभिन्न स्थानों से कोविड समर्पित स्वास्थ्य संस्थानों में पहुंचा कर उन्हें समय पर उपचार सुविधा उपलब्ध करवाने में अपना योगदान दिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कोविड मरीजों को अस्पताल पहुंचाने का जिम्मा जहां एंबुलेंस-108 को सौंपा गया, वहीं एंबुलेंस सेवा जेएसएसके-102 को इस बीमारी से स्वस्थ्य होने वाले मरीजों को स्वास्थ्य संस्थानों से वापस घर छोड़ने का कार्य भी सौंपा गया। जिसे जेएसएसके-102 सेवा ने बखूबी निभाते हुए बीमारी से स्वस्थ्य होने वाले लोगों की ओर से मांग आने पर अब तक लगभग 5003 लोगों को उनके घर पहुंचाने में अपना योगदान दिया हैं। इस कार्य के लिए सरकार द्वारा 42 जेएसएसके-102 एंबुलेंस तैनात की गई है। अब तक 21922 सैंपल एकत्रित किए दुर्गम व ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड-19 की जांच के लिए सैंपल एकत्रित करने का कार्य भी जेएसएसके-102 एम्बुलेंस को राज्य सरकार द्वारा सौंपा गया है। जिसके लिए सरकार द्वारा अप्रैल, 2020 में महामारी के आरम्भ में ही राज्य में 21 जेएसएसके-102 एम्बुलेंस तैनात की गई है। जिनके माध्यम से अब तक कुल 21922 सैंपल कोविड-19 की जांच के लिए एकत्रित किए गए हैं। इस सेवा के अलावा, दूरदराज के क्षेत्रों में घरों के निकट लोगों के कोविड सैंपल एकत्रित करने के लिए जीवन धारा मोबाइल मेडिकल यूनिट्स का भी प्रयोग किया जा रहा है, जिनके माध्यम से 8148 सैंपल एकत्रित किए जा चुके हैं। किस जिलें में कितनी एंबुलेंस तैनात कोविड-19 ड्यूटी के लिए राज्य सरकार द्वारा विभिन्न जिलों में आवश्यकतानुसार एंबुलेंस-108 और जेएसएसके-102 को कोविड ड्यूटी के लिए तैनात किया गया है। जिला बिलासपुर में 7, चंबा में 13, हमीरपुर में 11, कांगड़ा में 17, किन्नौर में 2, कुल्लू में 8, लाहौल-स्पीति में 2, मंडी में 15, शिमला में 17, सिरमौर में 11, सोलन में 12 और जिला ऊना में 8 एंबुलेंस तैनात की गई हैं। विभिन्न जिलों में कोविड ड्यूटी में एंबुलेंस-108 और जेएसएसके-102 सेवा में 1050 कर्मचारी दिन-रात अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कोविड मरीजों को किसी भी आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध करवाने में एंबुलेंस-108 और जेएसएसके-102 के अलावा स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों व परियोजनाओं की एंबुलेंस भी आवश्यकतानुसार अपनी सेवाएं प्रदान कर रही हैं। जिसके परिणाम स्वरूप राज्य सरकार प्रदेश में हजारों लोगों को कोविड-19 की आपातकालीन स्थितियों में अस्पताल पहुंचाकर उनका बहुमूल्य जीवन बचाने में सफल हुई है।
हमीरपुर :केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार दोपहर बाद हमीरपुर के सर्किट हाउस में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकांश जनसमस्याओं का मौके पर ही निवारण कर दिया, जबकि अन्य जनसमस्याओं का भी अतिशीघ्र निवारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए। इस दौरान कई क्षेत्रों के जनप्रतिनिधिमंडलों ने भी केंद्रीय मंत्री से भेंट की तथा उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं एवं मांगों से अवगत करवाया। इस अवसर पर विधायक नरेंद्र ठाकुर, पूर्व विधायक एवं जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष बबली देवी, उपाध्यक्ष नरेश कुमार, हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के समन्वयक नवीन शर्मा, उपायुक्त देबश्वेता बनिक, एडीएम जितेंद्र सांजटा, अन्य अधिकारी, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, भाजपा पदाधिकारी नरेंद्र अत्री, जिला महामंत्री हरीश शर्मा, अभयवीर लवली और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इससे पहले केंद्रीय मंत्री अन्य भाजपा नेताओं के साथ स्थानीय विधायक नरेंद्र ठाकुर के घर भी गए और उन्होंने बीते दिनों हुए नरेंद्र ठाकुर की माता के देहावसान पर शोक व्यक्त किया।
देहरा विधानसभा की धार पंचायत से संबंध रखने वाले नितिन ठाकुर को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा में प्रदेश सचिव पर नियुक्त करने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की है, और प्रदेश नेतृत्व का आभार प्रकट किया ।नितिन ठाकुर 2003 से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े ,2004 -2005 में धर्मशाला महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के इकाई अध्यक्ष रहे ,2005-2006 में केंद्रीय छात्रसंघ के अध्यक्ष (SCA PRESIDENT)के पद पर चुनाव जीते। 2007 से लेकर 2009 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रांत सह मंत्री के दायित्व पर रहे ।2009 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े। 2009 के उपरांत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऊना जिला संगठन मंत्री का दायित्व निभाया। नितिन ठाकुर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रथम वर्ष प्रशिक्षित हैं। 2016 से लेकर 2020 तक भारतीय जनता युवा मोर्चा संगठनात्मक जिला देहरा के अध्यक्ष के पद पर रहे। 2020 में पुनः भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला देहरा के जिला अध्यक्ष नियुक्त हुए। वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित ठाकुर द्वारा नितिन ठाकुर को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा प्रदेश सचिव के पद का दायित्व दिया। इसके के सभी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व का आभार प्रकट किया। 2016 से लेकर 2021 तक आप देहरा विधानसभा की धार पंचायत के उप प्रधान के पद पर भी रहे हैं। नितिन ठाकुर पेशे से देहरा में एडवोकेट हैं। महाविद्यालय समय नितिन ठाकुर का झुकाव राष्ट्रवादी विचारधारा को मानने वाले संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तरफ रहा। पूर्व में 2 बार संगठनात्म जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं । मंडल देहरा युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकित चंबियाल , उपाध्यक्ष व मूहल पंचायत प्रधान संजय कुमार ,जिला उपाध्यक्ष रोहित शर्मा ,जिला उपाध्यक्ष विक्रांत मिन्हास ,जिला उपाध्यक्ष अपराजित, जिला उपाध्यक्ष और बीडीसी पंकज राणा ,जिला उपाध्यक्ष अंकुश जंबाल ,जिला सचिव रमणीक सिंह जिला सचिव अश्वनी राणा,जिला सचिव विकास पटियाल ,अंकुश सपिया मंडल उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार ,उप प्रधान भटेहर पंचायत दिलवर सिंह ,मनीष कुमार,संदीप ,राजेश ,अखिल गुलेरिया ,विशाल ,निशेष रमन सुशील ,अतुल ,सुमित विपन, राहुल ,विकास ,अश्वनी ,आदि कार्यकर्ताओं ने आभार प्रकट किया है । अपने नए दायित्व के लिए नितिन ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ,हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ,केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, हिमाचल प्रदेश के उद्योग व परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला ,देहरा के पूर्व विधायक रविंद्र सिंह रवि, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष भाई अमित ठाकुर, संगठनात्मक जिला देहरा के अध्यक्ष संजीव शर्मा ,जिला महामंत्री अभिषेक पाधा, जिला महामंत्री जगदीप डडवाल ,देहरा मंडल अध्यक्ष निर्मल जसवाल,जसवां प्रागपुर मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा ,ज्वालामुखी मंडल अध्यक्ष मान सिंह राणा व समस्त भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार और जयराम ठाकुर की हिमाचल प्रदेश में सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को आम जनमानस तक पहुंचाना उन नीतियों का फायदा आमजनमानस को मिले। केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार के द्वारा जनहित में किए गए कार्यों और उपलब्धियों को हर बूथ के घर-घर तक पहुंचाना। प्रदेश के अंदर हर बूथ तक भारतीय जनता पार्टी और युवा मोर्चा को मजबूत करना और नए कार्यकर्ताओं को अपने साथ जोड़ना, हर बूथ पर पुराने व नए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना। जिससे कि 2022 में भारतीय जनता पार्टी के मिशन रिपीट को कामयाब करते हुए पुनः एक बार हिमाचल प्रदेश के अंदर भारतीय जनता पार्टी सत्ता पर काबिज होकर सरकार बनाये प्रदेश हित में जनहित में कार्य कर सके ।उन्होंने कहा है कि देहरा विधानसभा की समस्त जनता के प्यार से ही उन्हें यह दायित्व मिला है वह उनकी इच्छाओं के अनुरूप वे सब कार्य करेंगे ।
जसवां:परागपुर चलाली गांव में बिस्तर पर पड़े एक गरीब परिवार के घर मुकेश ठाकुर ने आर्थिक मदद पहुंचाई । मुकेश ठाकुर को गरीब परिवार के बारे में पता चला कि घर को चलाने वाला व्यक्ति रवि कुमार घर की छत से गिर पड़ा था व उसके बाद उसे काफी चोट आई व जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है । वहीं व्यक्ति के पिता पहले ही मरीज हैं व चारपाई पर हैं व घर में बच्चे अभी छोटे हैं। घर के हालात इतने खराब हो चुके हैं कि घर में खाने पीने की व्यवस्था भी ठीक नहीं हैं। मुकेश ठाकुर की टीम को देखकर व्यक्ति के पिता रो पड़े क्योंकि घर की अर्थव्यवस्था बुरी तरह बिगड़ चुकी है। वहीं समाजसेवी मुकेश ठाकुर ने परिवार को आर्थिक मदद पहुंचाई व आश्वासन दिया कि जब भी उन्हें जरूरत हो मुकेश ठाकुर व उनकी टीम परिवार की सहायता करेगी। समाजसेवी मुकेश ठाकुर रोटी ,कपड़ा ,मकान ,पढाई व दवाई की कमी ना हो का सपना लेकर चले है। उन्होंने दो और लडकियों की शादी के लिये शगुन व आर्थिक मदद दी । वहीं जसवां परागपुर के युवाओं को खेलकूद के प्रति प्रेरित करने के लिये अलग अलग पंचायतों में खेल किटें बांटी ।
ज्वालामुखी के रविंद्र नाथ टैगोर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के बच्चों के लिए हिमाचल सोशल डिफेंस सामाजिक संस्था की ओर से एक वेबीनार करवाया गया जिसमें मर्चेंट नेवी में रोजगार की संभावनाएं और इसमें प्रवेश किस प्रकार करें, और कहां से इस विषय में ठीक जानकारी प्राप्त करें इसकी जानकारी उपलब्ध करवाई गई। इस वेबीनार में वीआर मैरिटाइम शिपिंग कंपनी के प्रबंध निदेशक और केंद्रीय जहाजरानी बोर्ड के सदस्य संजय पराशर ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। संजय पराशर और उनकी टीम में शामिल नजीर वाडिवाल तकनीकी निदेशक वीआर मैरिटाइम, कैप्टन प्रकाश सुमन प्रिंसिपल मरीन अकैडमी, और अन्य विशेषज्ञों ने बच्चों का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक रमेश कुमार और प्राचार्य ओमप्रकाश विशिष्ट ने अतिथियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर हिमाचल सोशल डिफेंस सामाजिक संस्था के संयोजक एडवोकेट अभिषेक उपाध्याय ने कहा कि है अपनी संस्था के माध्यम से समाज के लिए काम करते रहते हैं और भविष्य में भी बच्चों को उनके कैरियर के लिए जानकारी मिलती रहे इसके लिए विशेषज्ञों ऐसे बच्चों की मुलाकात करवाते रहेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशंवत छाजटा ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार दीमक की तरह देश को खोखला कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल झूठे सपने और झूठे वायदे करने तक सीमित होकर रह गई है और आम जनता की परेशानियों से उसको कोई लेना देना नहीं है। छाजटा ने जारी बयान में कहा है कि कोरोना महामारी से खतरनाक कोई बीमारी है तो वह भाजपा है । करोना का उपचार, तो दवा, नियमों का पालन और वैक्सीन से हो सकता है लेकिन भाजपा का इलाज करने के लिए सभी को कांग्रेस के साथ एकजुट होकर चलना होगा। छाजटा ने कहा की पेट्रोल के दामों ने देश में जहां सैकड़ा मार लिया है वहीं पर हिमाचल में दाम 96 रुपए के आसपास पहुंच गए है। यही हालात डीजल की कीमतों के भी है। इसके साथ ही खाद्ध वस्तुओं के बढ़ते दामों ने आज आम जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहकर महंगाई का अलाप रागने वाले बीजेपी नेता आम मंहगाई के मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है। छाजटा ने कहा कि पेट्रोल डीजल के दाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे कम है लेकिन सरकार निरंतर पेट्रोल डीजल के दामों में निरंतर वृद्धि कर आम जनमानस पर मंहगाई थोप रही है। इसके साथ ही बड़े औद्योगिक घरानों को फायदा देने के उद्देश्य से सरकार आए दिन आवश्यक वस्तुओं के दामों में वृद्धि कर रही है।। छाजटा ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की मुसीबतों को बढ़ा रही है। केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों से आम जनमानस पहले से ही बुरे दौर में गुजरा है। विधानसभा चुनाव में सत्ता से विदाई तय छाजटा ने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों से ही महंगाई बढ़ रही है। मोदी सरकार अच्छे दिन के सपने दिखा कर सत्ता में आई थी जबकि आज आम जनमानस खुद को ठगा सा महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सत्ता से भाजपा का बाहर होना तय है। कोरोना संकट काल में भी सरकार जनता को कोई भी राहत नहीं दे पाई,जिससे स्पष्ट होता है कि ये सरकार कितनी जनहितैषी है।
देहरा :पुलिस थाना हरिपुर के अंतर्गत मयोल पंचायत में एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्तल कर दी। मृतक की पहचान करम चंद(50) पुत्र बलकू राम गांव मयोल डाकघर बनखंडी के रूप में हुई है। वहां मौजूद लोगो ने बताया कि उक्त व्यक्ति मेहनत मजदूरी करके घर का भरण पोषण करता था। प्रधान मंजू बाला ने बताया की उक्त व्यक्ति ने अपने घर की छत के गार्डन के साथ चुन्नी से लटक कर जीवनलीला समाप्त कर ली है। जानाकरी मिलते ही मौके पर हरिपुर-रानीताल पुलिस द्वारा पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गयी। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि करमचंद मिस्त्री का कार्य करता था उसने फंदा लगा लिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी पुलिस ने मौके पर जाकर मृतक के शरीर को पोस्टमॉर्टम हेतु देहरा अस्पताल भेज दिया गया है।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला के सूक्ष्म रूप से सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया है। कृतिका कुल्हारी ने मेले के सफल आयोजन के लिए विशेष रूप से सोलन एवं आस-पास के क्षेत्रों के निवासियों, पुजारी वर्ग, कल्याणा वर्ग, व्यापारी वर्ग तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 संकट के समय विभिन्न नियमों का पूर्ण पालन करते हुए मां शूलिनी की शोभा यात्रा सभी के सहयोग से ही निर्विघ्न सम्पन्न हुई है। उन्होंने आशा जताई कि मां शूलिनी की असीम कृपा से आने वाला समय सभी के लिए सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य एवं आशा की नई किरण लाएगा और जन-जन को कोरोना संक्रमण से मुक्ति प्राप्त होगी।
उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने रविवार को लघु सचिवालय देहरा के प्रांगण में लगभग 12.50 लाख की लागत से स्थापित 100 फुट ऊँचे तीरंगे झंडे का लोकार्पण किया। दरअसल पिछले वर्ष मई माह में कश्मीर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए देहरा से संबंध रखने वाले मेजर अनुज सूद वीरगति को प्राप्त हुए थे। इसके पश्चात उनके पिता सेवानिवृत ब्रिगेडियर चंद्रकांत सूद ने बलिदानी पुत्र के सम्मान में देहरा में तिरंगा लगाने की मांग की थी। जिसके बाद जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने उन्हें इसके लिए आश्वस्त किया और देहरा उपमंडल में 100 फुट ऊँचा तीरंगा लगाने के लिए प्रशासन को निर्देश दिए व वितिय सहायता उपलब्ध करवाई। उद्योग मंत्री ने कहा कि मेजर अनुज सूद और देश के लिए सर्वस्व नयौछावर करने वाले देहरा उपमंडल के समस्त बलिदानी वीरों के सम्मान में इस तीरंगे की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश को देव भूमि होने के साथ-साथ वीर भूमि होने का भी सौभाग्य प्राप्त है। इसलिए बलिदानी वीरों के सम्मान के लिए प्रदेश के लोग और सरकार सदैव प्रयासरत रहती है। उन्होंने कहा कि 100 फुट ऊँचा लहराता यह तिरंगा क्षेत्र की जनता को सदैव वीरों के बलिदान की याद दिलाता रहेगा और युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करेगा। जसवां परागपुर में किया 1.35 करोड़ के सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन उद्योग मंत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र जसवां परागपुर में ग्राम पंचायत शांतला के अंतर्गत 1.35 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाली दो सड़कों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। जिसके तहत उन्होंने 60 लाख रूपये की लागत से बनने वाले जिझर से मगरू वाया सिहोटी संपर्क मार्ग और 75.11 लाख की लागत से बनने वाले लेर से ठां संपर्क मार्ग का कार्य प्रारंभ करवाया। उन्होंने कहा कि आज जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों की लागत से सड़कों के निर्माण एवं सुधारिकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा क्षेत्र में आज ऐसे-ऐसे महत्वपूर्ण संस्थान उपलब्ध करवाए गए हैं, जिससे आने वाले समय में जसवां परागपुर का नाम पूरे प्रदेश में प्रमुखता से लिया जाएगा। उद्योग मंत्री ने इस अवसर पर ग्राम पंचायत शांतला में स्थानीय लोगों के साथ मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी सुना। उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर रक्कड़ और परागपुर में 129 लाभार्थीयों को बांटे 28 लाख के चेक उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने रक्कड़ और परागपुर में लगभग 129 पात्र लाभार्थीयों को लगभग 28 लाख की सहायता राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में चल रही हिमाचल प्रदेश सरकार हर पात्र व्यक्ति की सहायता के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से सबसे ज्यादा सहायता राशि यदि किसी क्षेत्र में उपलब्ध करवाई गई है, तो वह जसवां परागपुर विधान सभा क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त उनके स्वयं के डिस्क्रीश्नरी ग्रांट से भी करोड़ों रूपये की सहायता राशि जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में पात्र परिवारों को सहायता के रूप में दी गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में दी गई सहायता राशि में से ज्यादातर राशि गंभीर रूप से बिमार चल रहे रोगियों के उपचार हेतु आवंटित की गई है। इसके अतिरिक्त पात्र बच्चों की पढ़ाई, सड़क दुर्घटना में मारे गए व्यक्तियों के परिवारों की आर्थिक सहायता, कन्याओं के विवाह, घरों के सुधार एवं निर्माण हेतु तथा गरीबों को आर्थिक सहायता हेतु यह राशि वितरित की गई है। उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि वह कोई भी कार्य मानवता को आधार मानकर करते हैं। उन्होंने कहा कि उनका ध्यय केवल जसवां परागपुर की जनता को हर संभव सहायता और सुविधा उपलब्ध करवाना है और इसके लिए वह कभी भी किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति की जाति या राजनीतिक दल नहीं पुछते। उन्होंने कहा कि शायद इसी कारण आज पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा सहायता राशि के चेक उनके विधान सभा क्षेत्र के पात्र परिवारों और व्यक्तियों को वितरित किए गए हैं। इसके पश्चात उद्योग मंत्री ने जनसमस्याओं को सुनते हुए अधिकत्म समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया तथा शेष के समयबद्ध निवारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
सोलन की अधिष्ठात्री देवी मां शूलिनी को समर्पित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला आज विधिवत रूप से संपन्न हुआ। कोविड-19 नियमों के तहत सूक्ष्म पूजा अर्चना के उपरांत मां शूलिनी गंज बाजार स्थित प्राचीन मंदिर में अपनी बहन से मिलने के बाद वापिस अपने पीठ पधारी। जिला प्रशासन सोलन ने कोविड-19 संकट के मध्य सोलन में आस्था एवं नियमों के बीच सन्तुलन बनाते हुए मां शूलिनी की शोभा यात्रा को सूक्ष्म रूप से निर्विघ्न सम्पन्न करवाकर धार्मिक परम्पराओं के निर्वहन तथा आमजन के विश्वास को बनाए रखने का श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत किया है। सोलन की नव नियुक्त उपायुक्त कृतिका कुल्हारी ने मां शूलिनी की शोभा यात्रा को कोविड-19 नियमों के तहत निर्विघ्न सम्पन्न करवाने के लिए यह सुनिश्चित किया कि शोभा यात्रा न केवल सूक्ष्म रूप से आयोजित हो अपितु कोविड-19 से सुरक्षा के लिए स्थापित नियमों का पूर्ण पालन भी हो। जिला दण्डाधिकारी ने कोरोना महामारी के मध्य आयोजन को सफल बनाने के लिए मां की शोभा यात्रा के आने-जाने के समय पर उन क्षेत्रों में कफ्र्यू लगाने के आदेश दिए जहां से सामान्य रूप से माता की शोभा यात्रा निकलती है। सोलन की जनता ने इन आदेशों का पूर्ण पालन किया। इससे न केवल शोभा यात्रा सफल रूप से आयोजित हुई आयोजित हुई अपितु लोगों की अटूट आस्था भी अक्षुण्ण रही। मां शूलिनी की वापिसी के समय आज उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा, उपपुलिस अधीक्षक सोलन योगेश दत्त जोशी, उपपुलिस अधीक्षक रमेश शर्मा, तहसीलदार गुरमीत नेगी, मन्दिर के पुजारी तथा कल्याणा वर्ग के नुर्माइंदे उपस्थित रहे।
प्राकृतिक उत्पादों के प्रति लोगों की बढ़ती रूचि के परिणामस्वरूप औषधीय पौधों का अंतरराष्ट्रीय बाजार में महत्व बढ़ा है। औषधीय पौधे स्वदेशी चिकित्सा पद्धति के लिए प्रमुख संसाधन हैं। आयुष प्रणालियों की राष्ट्रीय और विश्व स्तर पर पहुंच और स्वीकार्यता, गुणवत्तापूर्ण औषधीय पौधों पर आधारित कच्चे माल की निर्बाध उपलब्धता पर निर्भर है, जिससे औषधीय पौधों का व्यापार निरन्तर बढ़ रहा है। हिमाचल समृद्ध जैविक विविधता से सम्पन्न प्रदेश है। औषधीय पौधों एवं सम्बन्धित गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए राज्य औषधीय पादप बोर्ड प्रदेश में आयुष विभाग के तत्वावधान में कार्य कर रहा है। इसके अन्तर्गत आयुर्वेदिक दवाओं के निर्माण के लिए आर्थिक आवश्यकताओं और औषधीय पौधों की सुगम उपलब्धता पर बल दिया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा औषधीय पौधों के संरक्षण को बढ़ावा देने और किसानों को इन पौधों की खेती करने और उनकी आय में वृद्धि हेतु प्रोत्साहित करने के लिए अनेक नीतियां तैयार कर कार्यान्वित की जा रही हैं। हिमाचल प्रदेश को औषधीय पौधों के केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए, राज्य सरकार राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत औषधीय पौधों की खेती के लिए विभिन्न कृषि-जलवायु क्षेत्रों में किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है। इसके लिए विभिन्न किसान समूह बनाए गए हैं। वित्तीय सहायता का लाभ प्राप्त करने के लिए एक किसान समूह के पास कम से कम दो हेक्टेयर भूमि होनी चाहिए। एक किसान समूह में 15 किलोमीटर के दायरे में आने वाले तीन गांव शामिल हो सकते हैं। इन औषधीय पौधों की खेती के लिए गिरवी रखी गई भूमि का भी उपयोग किया जा सकता है। योजना के अन्तर्गत जनवरी 2018 से अब तक औषधीय पौधों की खेती के लिए 318 किसानों को 99.68 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। राष्ट्रीय आयुष मिशन ने राज्य में औषधीय पौधों की खेती के लिए वर्ष 2019-20 में लगभग 128.94 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है। इसमें से 25 लाख रुपये एक आदर्श नर्सरी के लिए, 12.5 लाख रुपये दो छोटी नर्सरीज के लिए, 54.44 लाख रुपये अतीस, कुटकी, कुठ, शतावरी, स्टीविया और सर्पगंधा की खेती के लिए, 20 लाख रुपये ड्राईन्ग शेड एवं भण्डारण गोदाम के निर्माण हेतु और 17 लाख रुपये अन्य व्यय के लिए आवंटित किए गए हैं। राज्य सरकार ने प्रदेश में औषधीय पौधों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए जिला मंडी के जोगिंदरनगर, जिला हमीरपुर के नेरी, जिला शिमला के रोहड़ू और जिला बिलासपुर के जंगल झलेड़ा में औषधीय उद्यान स्थापित किए हैं। विभिन्न कृषि-जलवायु क्षेत्रों के अनुसार विभिन्न प्रकार के औषधीय पौधे इन औषधीय उद्यानों में उगाए जा रहे हैं, जिनका उपयोग अनेक बीमारियों की विभिन्न दवाएं तैयार करने के लिए किया जा रहा है। राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड, आयुष मंत्रालय, भारत सरकार ने जिला मण्डी स्थित भारतीय चिकित्सा प्रणाली अनुसंधान संस्थान जोगिंदरनगर में उत्तरी क्षेत्र क्षेत्रीय के सह-सुविधा केंद्र की स्थापना की है। यह केंद्र पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश सहित छः पड़ोसी उत्तर भारतीय राज्यों में औषधीय पौधों की खेती और संरक्षण को बढ़ावा दे रहा है और राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड के कार्यों का प्रचार-प्रसार कर रहा है। प्रदेशवासियों में औषधीय पौधों के बारे में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए प्रथम चरण में दो सप्ताह के लिए पौधरोपण अभियान ‘चरक वाटिका’ चलाया गया, जिसमें 1167 आयुर्वेदिक संस्थानों में चरक वाटिकाओं की स्थापना की गई और लगभग 11,526 पौधे लगाए गए। 7 जून, 2021 को चरक वाटिका अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया गया है। विविध जलवायु परिस्थितियों वाला राज्य होने के फलस्वरूप प्रदेश के चार कृषि-जलवायु क्षेत्रों में औषधीय पौधों की लगभग 640 प्रजातियां पाई जाती हैं। जनजातीय जिले-किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू तथा कांगड़ा व शिमला जिलों के 2,500 मीटर से अधिक की ऊंचाई पर स्थित कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक उपयोगी औषधीय पौधों का उत्पादन होता है। इनमें से कुछ में पतीस, बत्सनाभ, अतीस, ट्रेगन, किरमाला, रतनजोत, काला जीरा, केसर, सोमलता, जंगली हींग, चर्मा, खुरसानी अजवायन, पुष्कर मूल, हौवर, धोप, धामनी, नेचनी, नेरी, केजावो, धोप चरेलू, शार्गेर, गग्गर और बुरांश शामिल हैं।प्रदेश सरकार औषधीय पौधों के संरक्षण के लिए पारिस्थितिक क्षेत्र की नियमित निगरानी के अतिरिक्त, विभिन्न प्रजातियों की मूल पारिस्थितिकियों में स्थापना और संरक्षण और भारतीय हिमालयी क्षेत्र के अन्य भागों में इस पद्धति को अपनाने पर बल दे रही है। लोगों में जैव विविधता मूल्यों के बारे में विभिन्न माध्यमों से जागरूकता उत्पन्न की जा रही है और जैविक संसाधनों के संरक्षण एवं प्रबंधन में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
आज आरोग्य भारती शिमला द्वारा ब्योलिया में आयुर्वेद काढ़ा व जागरुकता पत्रक का निशुल्क वितरण किया गया। महिला मंडल ब्योलिया के सहयोग से सम्पन्न इस कार्यक्रम में मजदूरों, महिलाओं तथा जरुरतमंद लोगों को कोरोना महामारी से बचाव, ऑक्सीजन की कमी को योग, प्राणायाम तथा अन्य उपायों से कैसे बढ़ाएं आदि के बारे में जानकारी प्रदान की गई। आयुर्वेदिक काढ़े को बनाने की विधि, उसकी सेवन करने का ढंग एवं लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर आरोग्य भारती के राष्ट्रीय सचिव डॉ राकेश पण्डित, प्रांत उपाध्यक्ष डॉ अनिल मैहता, जिला शिमला अध्यक्ष डॉ नरेश शर्मा, नरेन्द्र सूद, डॉ यशपाल शर्मा, डॉ अनिल ठाकुर, डॉ अंजलि लीला पंडित, डॉ पोवल चंद्र, विरेन्द्र धवन, अमिता भारद्धाज एवं राकेश चौहान सहित अनेक लोगों ने भाग लिया। कोविड प्रोटोकॉल का पालन अनुसार आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय लोगों कमल शर्मा, रामरतन शास्त्री, शीला शर्मा, महिला मंडल के सदस्यों इत्यादि अन्य गणमान्य लोगों का सहयोग रहा। लगभग 120 लोगों ने इस निशुल्क सुविधा का लाभ उठाया।
हिमाचल के पर्यटन उद्योग को इस कोरोना महामारीं के दौरान सबसे अधिक मार झेलनी पड़ी है। होटल इंडस्ट्री की हालात सबसे नाजुक हो गई है। पिछले 1 वर्ष में आठ से नौ महीने तक होटल व्यवसाय पूरी तरह से बंद रहा है तथा इस वर्ष भी कोरोना की दूसरी लहर के चलते लगभग तीन महीने पर्यटकों की आमद न होने के कारण होटल मालिकों को होटलो को बंद रखने पर मजबूर होना पड़ा। होटल इंडस्ट्री से जुड़े उध्मियों के पास वर्किंग कैपिटल शून्य ही चुका है। इसी के चलते होटल कारोबारियों ने शिमला नगर निगम से आग्रह किया है कि अन्य पर्यटन राज्यों की तर्ज पर होटल कारोबारियों को एक वर्ष के लिए प्रॉपर्टी टैक्स, गार्बेज शुल्क, पानी के बिलों पर लगने वाले सेस में 50% की छूट दी जाए। कर्नाटक तथा महाराष्ट्र तथा अन्य कई प्रदेशों ने पर्यटन से जुड़ी इकाइयों को एक राहत पैकेज देकर 50% शुल्कों में रियात देने के अलावा बिजली पर लगने वाले डिमांड चार्जेज को एक वर्ष के लिए समाप्त कर दिया है। गुजरात सरकार ने तो एक वर्ष के लिए सभी प्रकार के शुल्कों तथा बिजली पर लगने वाले डिमांड चार्जेज को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि पर्यटन उद्योग को पटरी पर आने में अभी कम से कम दो तीन वर्ष का समय लग सकता है। ऊपर से भारत मे तीसरी लहर के आने का खतरा भी पर्यटन उद्योग पर मंडरा रहा है। जिसके चलते पर्यटन उद्योग दोबारा से प्रभावित हो सकता सकता है। हिमाचल में लगातार दूसरे वर्ष भी गर्मियों के पर्यटन सीजन पर्यटन से जुड़े उध्मियों के हाथ से खिसक गया है। मजूदा हालात में निगम द्वारा होटल इंडस्ट्री को दी गई राहत संजीवनी का काम कर सकती है।
अंतरराष्ट्रीय योगासन खेल फेडरेशन पहली बार विश्व योगासन वीडियो प्रतियोगिता "योगा स्टार" का आयोजन कर रहा है। प्रदेश के योग खिलाड़ियों के लिए भी इस प्रतियोगिता में अपना वीडियो भेज कर भाग लेने का सुनहरा मौका है। प्रथम पुरस्कार 50 हज़ार रुपए अथवा 650 डॉलर का है। प्रतियोगिता में प्रवेश निशुल्क है और प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि 5 जुलाई है। हिमाचल प्रदेश योगासन खेल संघ के महासचिव विनोद योगाचार्य ने बताया कि राष्ट्रीय योगासन खेल फेडरेशन के साथ मिलकर आयोजित हो रही। इस विश्व प्रतियोगिता में विदेशी और भारतीय योग खिलाड़ी फेडरेशन की वेबसाइट पर दिए सामान्य योगासन प्रोटोकॉल में से किन्हीं चार आसनों का वीडियो भेज सकते हैं। प्रतिभागियों की आयु 1 जनवरी 2021 को 25 वर्ष या उससे अधिक होना अनिवार्य है। सभी प्रतिभागियों को ई-सर्टिफिकेट भी दिए जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एक वर्ग विश्व के किसी भी हिस्से में रहने वाले गैर भारतीय नागरिकों के लिए होगा। और दूसरा वर्ग भारतीय नागरिकों का है। प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 5 जुलाई कर दी गई है। पहले यह 28 जून थी। भारतीयों के लिए प्रथम पुरस्कार 50 हज़ार रुपए, जबकि विदेशियों के लिए 650 डॉलर का होगा। प्रतियोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी इंटरनेशनल योगासन स्पोर्ट्स फेडरेशन की वेबसाइट से ली जा सकती है।
शास्त्री बेरोजगार संघ का प्रतिनिधिमंडल शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक जिला सोलन रोशन जसवाल से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा उपनिदेशक को ज्ञापन भी सौपा। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि जिला सोलन में शास्त्री बैच वाइज भर्ती का साक्षात्कार 17/18 फरवरी 2021 को लिया गया था। लेकिन 5 महीने बीत जाने के बाद भी अभी तक शिक्षा विभाग द्वारा परिणाम घोषित नहीं किया गया। बेरोजगार संघ के सदस्यों ने कहा कि अगर जल्द परिणाम घोषित नहीं किया गया तो मजबूर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा,जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी हिमाचल प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग की होगी। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव मदन शर्मा,जिला अध्यक्ष मनोहर शर्मा, राहुल, शुभम, अंकुश, दिलीप, राकेश नड्डा उपस्थित रहे।
बरसात होते ही लोक निर्माण विभाग की सड़कें अपनी बदहाली के आँसू रोने पर मजबूर हो जाती है। ऐसी ही एक सड़क है ग्राम पंचायत कुंहर के अंतर्गत आने वाली घडियाच-बजोट-कुईरु सड़क। इस सड़क की हालत इन दिनों इतनी खराब है कि यहाँ से पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं है। वहीं इस सड़क मार्ग से रोजाना छोटे बड़े वाहन गुजरते है, लेकिन सड़क की खस्ताहालत होने से इन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय पंचायत के उपप्रधान विनोद ठाकुर, चैत राम, ब्रेस्तु राम, मदनलाल, मेहर चंद, कैलाश चंद का कहना है कि इस सड़क मार्ग से रोजाना दर्जनों वाहनों का आवगमन है। वहीं इस सड़क मार्ग से लोग अपनी आवश्यक वस्तुओं सहित सहकारी राशन डिपू के आते है,लेकिन इन दिनों सड़क की दयनीय हालत है। सड़क मार्ग पर ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा था, लेकिन 2 माह से यह भी बन्द पड़ा है। उन्होंने कहा कि सड़क के जगह-जगह टूटने के कारण बरसात का सारा पानी लोगों की जमीनों व खेतों में जा रहा है, जिससे उनका नुकसान हो रहा है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से गुहार लगाई है कि इस सड़क मार्ग की दशा में सुधार किया जाए ताकि लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो। जब इस बारे में सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग अर्की जगतपाल शर्मा से बात की तो उन्होंने बताया कि जेसीबी मशीन को भेजकर सड़क को दुरुस्त करवा दिया जाएगा।
धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया पर उनकी पत्नी एचएएस अफसर ओशिन शर्मा के आरोपों का महिला आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है। आयोग ने पत्र लिखकर पुलिस अधीक्षक धर्मशाला से मामले की रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट के आधार पर महिला आयोग आगे की कार्रवाई करेगी। ओशिन के वीडियो के आधार पर महिला आयोग ने कार्रवाई शुरू कर शुरू कर दी है। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए महिला अधिकारी से भी बात की जाएगी। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डेजी ठाकुर का कहना है महिला अधिकारी के साथ प्रताडऩा के मामले में महिला आयोग ने संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में भांग उन्मूलन कार्यक्रम का आयोजन पुलिस थाना दाड़लाघाट के सौजन्य से किया गया। एसएचओ दाड़लाघाट जीत सिंह ने बताया कि भांग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत परिसर व साथ लगती निजी भूमि व सरकारी भूमि में भांग को उखाड़ा गया। इस क्षेत्र में साफ सफाई आदि की गई। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर स्थानीय लोगों व बच्चों को नशे की बुराइयों बारे में भी अवगत करवाया गया। इस अवसर पर एसएचओ दाड़लाघाट जीत सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, बृजमोहन, विक्रम सिंह, खेम सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन की एनएसएस इकाई ने मादक द्रव्य निषेध दिवस पर एक जागरूकता अभियान चलाया।आभासी कक्ष के माध्यम से कार्यक्रम अधिकारी पीसी बट्टू ने स्वयंसेवियों को बताया कि नशीली दवाओं या नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों की संख्या दिन प्रति बढ़ते देख संयुक्त राष्ट्र संघ ने सन् 1987 से इस दिवस को मनाने की घोषणा की थी। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य जनता में इसके अवैध उत्पादन और सेवन के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना तथा इसकी अवैध तस्करी और इससे जुड़े खतरों के बारे में लोगों को अवगत करवाना है। इस दिवस पर जीवन में कभी भी नशा न करने के प्रति सभी स्वयंवियों को शपथ दिलाई गई।स्वयं सेवियों में हिमानी भगत, हिमानी कौशल, प्रवीण कुमार, रोहित आदि ने चित्रकला के माध्यम से नशा मुक्ति के लिए लोगों को जागरूक किया। एनएसएस इकाई के लगभग 32 स्वयंसेवियों ने निबंध लेखन गतिविधि में भाग लिया। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने बच्चों को नशीले पदार्थों का सेवन न करने का संकल्प लेने के लिए कहा।
हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल धर्मशाला में महिला के साथ घरेलू हिंसा के मामले पर प्रदेश सरकार को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा का दम भरती है, लेकिन इस पार्टी की मानसिकता इनके विधायकों की करतूतों से साफ झलकती है। महिला हितैषी होने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री जयराम विधायक की विधानसभा सदस्य रद कर इसका प्रमाण दें। महिला सुरक्षा व बेटी बचाओ के नारे केवल दीवारों पर लगाने से कोई सरकार महिला हितैषी नहीं होती है। इस मौके पर प्रदेश महिला कांग्रेस प्रभारी नीतू वर्मा, जिला प्रधान रिंकू चंदेल व चंपा ठाकुर भी मौजूद रहीं।
हिमाचल प्रदेश के डिग्री कॉलेजों के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों सहित शिक्षकों, गैर शिक्षकों और 18 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को वैक्सीन लगाने के लिए प्रदेश में 200 विशेष केंद्र बनाए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने 28 और 29 जून को चलाए जाने वाले विशेष टीकाकरण अभियान में करीब सवा लाख लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा है। विशेष टीकाकरण अभियान के तहत स्कूलों में 150 और कॉलेजों में 50 केंद्र बनाए जाएंगे। कॉलेजों के 18 हजार विद्यार्थियों सहित शिक्षकों और गैर शिक्षकों का टीकाकरण किया जाएगा। कॉलेज स्तर पर करीब 70 फीसदी ने वैक्सीन पहले ही लगवा ली है। स्कूलों में 18 वर्ष की अधिक आयु के विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी वैक्सीन लगा सकेंगे।
हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रबंधन ने बाहरी राज्यों के लिए बस सेवा शुरू करने की तैयाररी पूरी कर ली है। एक जुलाई से एचआरटीसी की वोल्वो बसें शिमला-दिल्ली, दिल्ली-शिमला, हमीरपुर-दिल्ली दिल्ली-हमीरपुर और सरकाघाट-दिल्ली, दिल्ली-सरकाघाट रूटों पर चलेगी। इन लग्जरी बसों के लिए एचआरटीसी की वेबसाइट पर एडवांस टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी गई है। हालांकि, साधारण बसों को लेकर जानकारी अभी तक वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं करवाई गई है। 50 फीसदी ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल पर 39 सीटों में से 21 सीटें ब्लॉक की गई हैं। दिल्ली से शिमला के लिए दो जुलाई को वोल्वो में सबसे अधिक एडवांस बुकिंग हो रही है। एक वोल्वो में 12 सीटें बुक हो चुकी हैं। शिमला से दिल्ली के लिए वोल्वो में दो से चार सीटें ही बुक हुई हैं।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। मंडी जिले में दो युवाओं की पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक द्रंग हल्के के बदार क्षेत्र की मैहनी पंचायत के चार युवाओं का ग्रुप पराशर के लिए पैदल ट्रैकिंग पर निकला था। युवा रात को पराशर से करीब पांच किलोमीटर दूरी पर टेंट लगा कर रात गुजार रहे थे। देर रात को एक युवक का पेट खराब हो गया। जो अपने साथी के साथ शौच के लिए जंगल में गया। अचानक पैर फिसलने पर उसने बचाव के लिए अपने साथी का सहारा लिया। लेकिन रात के अंधेरे में दोनों युवक करीब ढाई सौ मीटर गहरी खाई में लुढ़क गए। दोनो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक कांग्रेस पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे। इस घटना से द्रंग क्षेत्र में गमगीन माहौल है। एसपी मंडी शालिनी अग्रिहोत्री ने कहा कि उन्हें हादसे की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिला दण्डाधिकारी सोलन कृतिका कुल्हारी ने 23 जून, 2021 को जारी आदेशों के सम्बन्ध में आवश्यक शुद्धिपत्र जारी किया है। इस शुद्धिपत्र के अनुसार जिला सोलन में सभी बाजारों, माॅल, दुकानों, रेस्तरां, ढाबा, खान-पान के अन्य स्थलों एवं बार इत्यादि को सप्ताहांत (वीकेण्डज) पर 23 जून, 2021 को जारी आदेशों में प्रदत्त समय के अनुसार खोलने की अनुमति रहेगी। सभी बाजार एवं दुकानों के लिए सप्ताह में अवकाश दिवस कोरोना कफ्र्यू लागू होने से पूर्व जारी परम्परा के अनुसार रहेगा। अन्य सभी छूट, शर्तें इत्यादि 23 जून, 2021 को जारी आदेशों के अनुसार रहेगीं।
पुलिस थाना ज्वालामुखी के अंतर्गत बीती रात शिकायतकर्ता अमित कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी बदोली,डाकघर कथोग ने थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि गुरदयाल सिंह पुत्र जगदीश चंद निवासी गाहलियाँ ऑटो चालक जिसका ऑटो न०एचपी04-0927 द्वारा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने और ऑटो के साथ किनारे खड़ी वैन नंबर एचपी 02ए-6515 को टक्कर मारी और मौके से भाग जाने के कारण लोगों ने उसे रोका और पाया कि इस घटना में अजीत सिंह पुत्र बाबू राम निवासी दरंग,तहसील ज्वालामुखी जिला कांगड़ा को चोटें आई हैं।जिसके बाद उसे घायल अवस्था में सीएच ज्वालामुखी ले आए,जहां डॉक्टरों द्वारा अजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया।इस घटना में मृत अजीत सिंह का शव सीएच देहरा में रखा गया है,उसका पोस्टमॉर्टम किया जाएगा और सीएच ज्वालामुखी में आरोपी ऑटो चालक गुरदयाल सिंह का मेडिकल चेकअप भी किया गया। जहां चिकिस्तकों ने उसे शराब के नशे मे घोषित भी किया है।मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ज्वालामुखी तिलक राज ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।
अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन प्राइवेट आईटीआई दाड़लाघाट ने अंतराष्ट्रीय नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी दिवस का ऑनलाइन आयोजन किया। इस मौके पर कार्यक्रम का आगाज जीएसटी टैली के प्रशिक्षक राज कुमार गुप्ता ने किया।इस दौरान राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर पर अवैध नशीली दवाओं की तस्करी किस तरह से हो रही है और उनके लिए टारगेट ग्रुप सबसे पहले हमारे देश का नौजवान व युवा पीढ़ी है के बारे में विचार सांझा किए। इस मौके पर संस्थान के प्रशिक्षुओं ने भी अपने विचार साँझा किए। जिसमें रीना,हिमाशी,सुमित,सीमा वर्मा आदि ने वर्तमान समय में नशाखोरी के प्रभाव व उससे बचने के ऊपर अपना वक्तव्य रखा।इस दौरान विभिन्न ट्रेड के छात्रों ने चित्रकला प्रतिस्पर्धा में भी भाग लिया तथा इसके माध्यम से नशे से बचने के लिए संदेश दिया।संस्थान के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने इस मौके पर सामुदायिक सहयोग व सामुदायिक भागेदारी को अहम बताते हुए इस लड़ाई से लड़ने के लिए सभी को आगे आने का आग्रह किया,क्योंकि नशा एक ऐसा खतरा है। जिससे अपराध,भ्रष्टाचार,आतंकबाद व गरीबी जैसी समस्याएं उत्पन्न होती है। नशीली दवा तस्करी के साथ-साथ,अवैध मानव तस्करी भी हमारे समाज के लिए एक बहुत बड़ी समस्या है,जिसको हम जागरूकता व एक शपथ लेते हुए की कम से कम अपनी जिंदगी में एक इन्सान को तो इस चंगुल से बचाएंगे। इस मौके पर संस्थान के प्रशिक्षकों सहित लगभग 115 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग द्वारा स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण विभाग के सौजन्य से 28 व 29 जून 2021 को कॉलेज विद्यार्थियों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। दाड़लाघाट महाविद्यालय के प्राचार्य जनेश कपूर ने बताया कि खण्ड चिकित्सा अधिकारी अर्की से प्राप्त सूचना के अनुसार 28 व 29 जून 2021 को राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में विशेष टीकाकरण केन्द्र संचालित किया जाएगा। जनेश कपूर ने सभी सम्बंधित विद्यार्थियों व कर्मचारियों से आग्रह किया है कि जिन्हें अभी तक वैक्सीन टीका नहीं लगा है वे सभी महाविद्यालय में पहुंच कर टीका लगवाना सुनिश्चित करें।
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला के भाजपा विधायक विशाल नैहरिया ने पत्नी की ओर से उनपर लगाए गए मारपीट के आरोपों पर सफाई दी है। विधायक के पीए की ओर से व्हाट्सएप ग्रुप में जारी एक बयान में कहा गया है कि मामले में नैहरिया ने कांगड़ा एसपी विमुक्त रंजन के समक्ष अपना पक्ष रखा है। कहा कि विवाह के कुछ दिन बाद से ही पत्नी ने उन पर और उनके परिवार पर कई तरह से मानसिक दवाब डालना शुरू कर दिया था। जिस पर कई बार खुद विशाल नैहरिया ने समझाने और मनाने का प्रयास किया गया। एक पढ़े-लिखे,अपने पद की गरिमा को समझते हुए व सामाजिक जिम्मेदारी को जानते हुए उन्होंने इस बात को घर तक ही सीमित रखना उचित समझा व घर में ही मामले को शांत करने का भरपूर प्रयास किया। उन्होंने कहा कि वह अब भी चाहते हैं कि घर की बातें घर में ही सुलझ जाएं और उसे समाजिक और राजनीतिक तूल न दिया जाए। उधर, जब इस मामले पर एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन से बात की गई तो उन्होंने विधायक के पुलिस के समक्ष रखने की बात से इंकार किया। एसपी ने कहा कि मामले पर विधायक से अभी तक कोई बयान नहीं लिया गया है। बता दें विधायक विशाल नैहरिया के खिलाफ उनकी एचएएस पत्नी ने बीते दिन मारपीट के आरोप लगाकर पुलिस से सुरक्षा मांगी थी। विधायक विशाल नैहरिया की पत्नी ने मारपीट के बाद एक वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया में डाला। वीडियो में पत्नी मारपीट के जख्म दिखाकर विधायक पर आरोप लगाए थे।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पुलिस थाना हरिपुर के तहत सकरी बाजार में पुलिस द्वारा गूप सूचना के आधार पर सब्जी बिक्रेता निवासी गांव दरगिया डाकघर सकरी तहसील हरिपुर की दुकान से 7 बोतल देसी व एक अंग्रेजी शराब की बोतल बरामद की गई।वहीं मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया की हरिपुर पुलिस ने उक्त सब्जी विक्रेता के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
कुनिहार :- थाना कुनिहार में अंकुश डोगरा ने नए थाना प्रभारी(एस एच ओ) के रूप में पदभार संभाला है। कुनिहार प्रेस क्लब के सदस्यों ने शिनवार को उनसे शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत कर उन्हें बधाई दी। भेंट के दौरान क्षेत्र के कई विषयों पर चर्चा हुई व कुछ समस्याओं से क्लब के सदस्यों ने थाना प्रभारी को रूबरू करवाया। थाना प्रभारी ने कहा कि कानून व्यवस्था को सही रखना व समाज मे बढ़ रहे नशे पर लगाम लगाना पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी क्षेत्र वासियों से अपील की है कि अगर किसी भी तरह की कोई जानकारी अगर किसी के पास हो तो उसे जरूर पुलिस को बताएं। सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखा जाएगा। भेंट के दौरान क्लब की संरक्षिका प्रतिभा कंवर,अक्षरेश शर्मा,चंद्रप्रकाश नेगी,रणजीत ठाकुर,लोकेंद्र कंवर व हरजिंदर ठाकुर मौजूद रहे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अपने स्थापना काल से ही छात्र हित एवं समाज हित में कार्य कर रहा है। केन्द्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के स्थाई परिसर के निर्माण और अस्थाई परिसरों में मूलभूत सुविधाओं के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद वर्ष 2009 से आंदोलन करता आ रहा हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत सह मंत्री बलवीर सिंह ने कहा कि हम पिछले कुछ दिनों से देखते हैं कि किस तरह से केंद्रीय विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार एवं कुलपति द्वारा एक ईमानदार, योग्य एवं स्थाई वित्त अधिकारी को अपने पद से मुक्त किया गया । केंद्रीय विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार एवं कुलसचिव जो अतिरिक्त कार्यभार पर संवैधानिक पद संभाल रहे हैं उनके द्वारा एक बहुत निंदनीय घटना की जाती है कि वह अपनी शक्तियों का गलत उपयोग करके एक मात्र स्थाई वित अधिकारी को पद मुक्त कर दिया जाता है ।इसका कारण यह है कि कुलसचिव और कुलपति अतिरिक्त आय को बढ़ाने की बात करते हैं । जिससे एक ईमानदार वित्तीय अधिकारी द्वारा केंद्रीय विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार उनकी अतिरिक्त आय को बढ़ाने से मना कर देता है ,जिससे केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलसचिव और कुलपति अपनी शक्तियों का प्रयोग करके एक स्थाई अधिकारी को हटा दिया जाता है। इस तरह के अधिकारियों से छात्रों के भविष्य के साथ साथ केंद्रीय विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के साथ भी गलत व्यवहार किया जा रहा है।जिसका अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कड़ा विरोध करती है और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मांग करती है कि केंद्रीय विश्वविद्यालय में जल्द से जल्द स्थाई नियुक्तियां की जाए ।प्रांत सह मंत्री बलवीर सिंह ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय में जो अस्थाई रूप से चलाए जा रहे परिसरों में मूलभूत सुविधाएं जल्द से जल्द पूरी की जाए । अस्थाई कैंपस में छात्रावास की सुविधा, पुस्तकालय में पुस्तकों की कमी एवं बैठने की क्षमता को बढ़ाया जाए, तीनों अस्थाई परिसरों में वाईफाई की सुविधा, यातायात की सुविधा और कक्षा कक्ष में बैठने की सुविधाओं को बढ़ाया जाए।
राजभवन में आज नशीली दवाओं के दुरूपयोग और अवैध तस्करी के विरुद्ध अन्तरराष्ट्रीय दिवस मनाया गया। जिसका आयोजन हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग ने किया। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने भी इस समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल पुलिस की अपनी एक अलग पहचान है। प्रदेश पुलिस को अनुशासन, कत्र्तव्य के लिए प्रतिबद्धता और ईमानदारी के लिए जाना जाता है। इस पहचान को बनाए रखने के लिए उन्होंने मानसिक सन्तुलन और सकारात्मक गतिविधियां आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने विभाग के शीर्ष अधिकारियों को पुलिस कल्याणकारी गतिविधियों पर और अधिक कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति या परिवार बल्कि पूरे समाज को प्रभावित करता है इसलिए इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए पुलिस प्रशासन को अधिक प्रतिबद्धता और कड़ाई से कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि पुलिस प्रशासन इस सामाजिक बुराई के खिलाफ हर सम्भव कदम उठा रहा है। उन्होंने लोगों से पुलिस प्रशासन द्वारा नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग देने का आग्रह किया। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के नाम से जाना जाता है और यहां की संस्कृति व जीवनशैली बहुत समृद्ध है लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि यहां भी नशीली दवाओं के दुरूपयोग की समस्या गम्भीर रूप से पैदा हो गई है और अगर इसे समय पर काबू नहीं पाया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और अधिक गम्भीर हो सकती है। नशीली दवाओं के दुरूप्योग और अवैध तस्करी के खिलाफ अन्तरराष्ट्रीय दिवस समुदाय को नशे से मुक्त करने की ओर हमारा एक साझा प्रयास है। आज हम कोरोना महामारी और नशे की अवैध तस्करी के खिलाफ दो मोर्चों पर लड़ रहे हैं, लेकिन हमारा पुलिस बल दोनों ही मोर्चों पर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्था के राष्ट्रीय औषधि निर्भरता उपचार केन्द्र के माध्यम से नशीले पदार्थाें के अत्याधिक उपयोग और प्रतिमान पर एक राष्ट्रीय सर्वेक्षण किया जिसमें पाया गया कि 10 से 75 वर्ष की आयु के लगभग 14.6 प्रतिशत जिसके अन्तर्गत लगभग 16 करोड़ लोग आते हैं, शराब का सेवन कर रहे हैं। लगभग 5.2 प्रतिशत यानी 5.7 करोड़ से अधिक लोग शराब की निर्भरता से प्रभावित हैं जिसका अर्थ है कि भारत में हर तीसरे शराब उपयोगकर्ता को शराब से होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए सहायता की आवश्यकता है। इससे हम समझ सकते हैं कि स्थिति कितनी गम्भीर है। उन्होंने नशीली दवाओं के दुष्प्रभावों से निपटने में पुलिस अधिकारियों के प्रयासों और कड़ी मेहनत की सराहना की। इससे पूर्व, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने कहा कि मादक द्रव्यों के सेवन और नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले तेजी से बढ़ रहे है और समाज को इसके दुष्प्रभावों से बचाने के लिए अवैध तस्करी रोकने की आवश्यकता है। इस समस्या से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए बहुआयामी रणनीति तैयार करने की आवश्यकता है। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि हम छोटे तस्करों को छोड़कर बड़े तस्करों को पकड़ रहे हैं ताकि इस सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सके। उन्होंने प्रदेश में पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्त अभियान और नशा निवारण पर किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज अन्तरराज्यीय समन्वय पहले से अधिक बेहतर है, जिससे नशे के तस्करों से संबंधित जानकारी प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि नशे सम्बन्धित आतंकवाद को समाप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत 2126 मामले दर्ज किए गए हैं और 1 जनवरी 2020 से 30 अप्रैल 2021 के दौरान 2909 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने इसी दौरान 682.72 किलोग्राम चरस, 15.88 किलोग्राम हेरोइन, 50.33 किलोग्राम अफीम, 4805.91 किलोग्राम अफीम की भूसी, 376.91 किलोग्राम गांजा, 128330 सिंथेटिक टैबलेट और अन्य प्रतिबंधित 52194 कैप्सूल जब्त किए हैं। प्रतिबंधित पदार्थों की आपूर्ति कम करने के लिए एकीकृत खुफिया अभियान के अंतर्गत 7917 बीघा भूमि पर 12,52,455 भांग के पौधों की अवैध खेती और 52 बीघे में 2,66,353 पोस्त के पौधों को बड़े पैमाने पर नष्ट किया गया है। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक ने राज्यपाल को सम्मानित भी किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिव कुमार ने हिमाचल प्रदेश में नशे के खतरे को रोकने के लिए पुलिस के प्रयासों पर आधारित एक प्रस्तुति दी। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था अशोक तिवारी ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव राकेश कंवर और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे।
उपमण्डल देहरा के तहत शनिवार को बढहूँ पँचायत के स्थानीय वाशिंदों की सैम्पलिंग स्वास्थ्य विभाग द्वारा पंचायत प्रधान दिलजीत सिंह चौहान की मौजूदगी में करवाई गई। शनिवार को पंचायत में 68 लोगों की सैम्पलिंग की गई जिसमें सभी की कोविड-19 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इस मौके पर उपप्रधान सुचु मेहता आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रधान दिलजीत सिंह ने बताया 68 लोगों के टेस्ट किए गए हैं जिसमें कोई भी पॉजिटिव नहीं आया है।
डीएवी भड़ोली स्कूल में एक्टिविटी डे विशेषकर कोरोना मरीजों व योद्धाओं के लिए रखा गया। प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने बताया कि इस लाॅकडाउन में कोरोना योद्धाओ के उत्साहवर्धन के लिए बच्चों के माध्यम से उनके स्वस्थ होने और उनके मनोबल को बनाए रखने की कामना पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन ऑनलाइन कक्षावार किया गया। जिसमें कक्षा तीसरी से पांचवी के बच्चो को गेट वेल सून विषय पर ग्रीटिंग कार्ड बनाना था। वहीं कक्षा छठी से आठवी तक के विद्यार्थियों के लिए थैक्यू कार्ड बनाओ एक्टिविटी रखी गई और नौवी व दसवी के बच्चों को वीडियो बनाकर कोरोना मरीजों व योद्धाओ को थैक्यू कहना था। इन गतिविधियों में बच्चों ने ग्रीटिंग कार्ड के माध्यम से अपनी भावनाओ को व्यक्त कर अपना संदेश उन सभी योद्धाओं तक पहुंचाया जो किसी न किसी रूप में मददकर देश का आत्मविश्वास बढ़ा रहें। गतिविधियों में भाग लेने वालों में निहारिका, रिद्धिमा, वंशिका, सक्षम, काव्या, शिवेन, हर्षित, अवनीत, वंशिका राणा, प्राजल, अभय, अक्षित चौधरी, आर्यन, पारूल, अभिनव, जिया, सान्वी, शिवम पटियाल, तन्वी, कनिष्का, आराध्या शर्मा, शायना सहित अन्य उपस्थित रहें।
शुक्रवार को विकास खंड देहरा के खैरियाँ वार्ड से पंचायत समिति सदस्य निरुपमा, बाड़ी पंचायत के प्रधान कुलदीप चौधरी व बौगंता पंचायत के उप प्रधान तरलोक सिंह ने सीआरएफ के तहत बन रही देहरा हरिपुर सड़क में देहरा से लेकर खैरियाँ तक टायरिंग के कार्य को लेकर लोक निर्माण विभाग देहरा के अधिशाषी अभियंता को मांग पत्र सौंपा। इन सभी ने लोक निर्माण विभाग देहरा के अधिशाषी अभियंता से खैरियाँ तक सड़क टायरिंग के कार्य को शीघ्र करने की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि सीआरएफ के तहत बन रही सड़क पर हरिपुर से लेकर खैरियाँ तक टारिंग का कार्य पूरा करने के बाद कार्य बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की जनता पिछले 5 सालों से इस सड़क के निर्माण की राह देख रही है इसलिए विभाग शीघ्र अति शीघ्र देहरा से लेकर खैरियाँ तक शेष बचे हुए कार्य कार्य को पूरा करवाए। अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग देहरा दिनेश धीमान ने कहा कि उन्होंने अभी देहरा आए हुए दो दिन ही हुए हैं और वह इसकी पूरी जानकारी लेकर सड़क के कार्य को पूरा करने की कोशिश करेंगे। इस अवसर पर बाड़ी पंचायत के उपप्रधान संदीप कुमार, तरसेम कुमार, मदन लाल, वार्ड सदस्य सरोज देवी सहित दोनों पंचायतों के अन्य पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे।
बीएल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार छात्रा नैंसी ठाकुर को ITBP विभाग ने पैंतीस हजार की स्कॉलरशिप प्रदान की है I जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि विद्यालय में बारहवीं कक्षा में पढ़ रही छात्रा नैंसी ठाकुर को ITBP पुलिस विभाग से पैंतीस हजार की स्कॉलरशिप मिली है I उन्होंने बताया कि नैंसी ठाकुर ने दसवीं कक्षा में 95.8 फीसदी अंक लिए थे, जिसके कारण नैंसी ठाकुर का ITBP पुलिस विभाग द्वारा इस स्कॉलरशिप के लिए चयन हुआ था। विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने छात्रा नैंसी ठाकुर व् उसकी माता रेखा ठाकुर को इस उपलब्धि के लिए बहुत बधाई दी है I उन्होंने नैंसी ठाकुर की विद्यालय के वार्षिक गतिविधियों में सराहनीय कार्य करने एवं शैक्षिणिक स्तर में अव्वल रहने के लिए प्रशंसा की है I विद्यलय अभिभावक संघ के अध्यक्ष रतन तंवर, विद्यालय प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाल, मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा, उप- प्रधानाचार्य किरण लेखा, विद्यालय समन्वयक रामेश्वर कुमार और विद्यालय के सभी अध्यापक वर्ग ने इस उपलब्धि के लिए छात्रा नैंसी ठाकुर और उसके अभिभावकों को बधाई दी। विद्यालय प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय के बच्चें हर क्षेत्र उब्लाधियाँ हासिल कर विद्यालय व इलाके का नाम रोशन कर रहे हैं I
शिमला:सत्येन वैद्य को हिमाचल प्रदेश हाइकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। आज उन्होंने हिमाचल प्रदेश के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। हिमाचल प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश एल. नारायण स्वामी ने उन्हें सादे समारोह में न्यायाधीश के पद की शपथ दिलाई। अब हिमाचल प्रदेश में मुख्य न्यायाधीश समेत 11 जजों की संख्या पूरी हो गई है।
भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने अपनी लिखी पुस्तक ,मैं एक कोरोना योद्धा हूँ' भाजपा राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष को भेंट की। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा प्रदेश प्रभारी संजय टंडन भी उपस्थित रहे। इस मौके पर भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि जिस प्रकार से पूरे विश्व में कोरोना वायरस के खिलाफ एक जंग लड़ी है, वह अपने आप में एक ऐतिहासिक घटनाक्रम है। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार से उन्होंने स्वयं हिमाचल ,पंजाब और हरियाणा प्रांत में कोविड-19 संकटकाल में जनसेवा की और लोगों की मदद की उसका एक लेखा-जोखा इस पुस्तक में प्रस्तुत किया गया है। कोविड-19 संकटकाल में भाजपा ने सेवा ही संगठन के माध्यम से जनता की सेवा की है और इस संकट की घड़ी में अनेकों प्रकल्पा से जनमानस को राहत पहुंचाई है। भाजपा एकमात्र राजनीतिक दल है जिसने राजनीति से हटकर जनसेवा का एक बड़ा उदाहरण पूरे विश्व में पेश किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस प्रकार से भारत को आत्मनिर्भर बनाया और भारत में वैक्सीन निर्माण कर पूरे विश्व को वैक्सीन पहुंचाने का कार्य किया है वह सराहनीय है।
प्रदेश के धर्मशाला से पहली बार भाजपा से विधायक बने विशाल नैहरिया के खिलाफ उनकी एचएएस पत्नी ने मारपीट के आरोप लगया है। नैहरिया की पत्नी ने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की है। एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने विधायक नैहरिया की पत्नी की ओर से पति के खिलाफ शिकायत मिलने की पुष्टि की है। एसपी ने कहा कि विधायक नैहरिया की पत्नी ने मारपीट की शिकायत की है। पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की है। विधायक विशाल नैहरिया की पत्नी ने मारपीट के बाद एक वीडियो भी बनाया है। वीडियो में पत्नी मारपीट के जख्म दिखाकर विधायक पर आरोप लगा रही हैं। गौरतलब है कि विधायक और उनकी पत्नी की शादी दो माह पहले हुई थी। शादी से पहले पत्नी नगरोटा सूरियां ब्लॉक में बीडीओ के पद पर रह चुकी हैं। वर्तमान में वह धर्मशाला में बतौर एचएएस पद पर सेवाएं दे रही है। पुलिस को दी शिकायत में ओशिन शर्मा ने आरोप लगाया है कि शादी से पहले और शादी के बाद भी विधायक नैहरिया उनके साथ मारपीट कर रहे थे। उनके पति राजनीतिक रूप से प्रभावशाली हैं, इसलिए उनको अपनी सुरक्षा का खतरा है। उन्होंने शिकायत पत्र में पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
हिमाचल प्रदेश में कोई दुकानदार ठगी करता है तो इसकी शिकायत अब घर बैठे ही की जा सकेगी। राज्य उपभोक्ता आयोग ने ई-दाखिल पोर्टल शुरू किया है। बिजली, पानी, टेलीफोन के बिल ज्यादा आने पर भी आयोग में शिकायत की जा सकेगी। चंडीगढ़, दिल्ली और मुंबई से भी सामान खरीदा हो, उसमें खोट मिलने पर भी शिकायत कर सकेंगे। नया कानून लागू करने के बाद हिमाचल प्रदेश उपभोक्ता विवाद निस्तारण आयोग ने यह नई व्यवस्था शुरू की है। इसे उपभोक्ता संरक्षण नियमों के तहत शुरू किया गया है। इस संबंध में राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग से मंजूरी ली गई है। इन मामलों के लिए कर सकते है शिकायत उदाहरण के तौर किसी ने जूते को पांच सौ रुपये के असल मूल्य के बजाय एक हजार रुपये में बेच दिया। गलत वारंटी दे दी। नकली ब्रांड बेचा। कुछ दिन में ही खराब हो गया तो ऐसी तमाम स्थितियों में शिकायत की जा सकती है। अगर पानी का बिल आ रहा है और पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। बिजली बिल आ रहा है, मगर बिजली नहीं है। टेलीफोन सुविधा नहीं है, मगर बिल आ रहा है। सिम रिचार्ज कर दिया, मगर फिर भी सुविधा नहीं मिल रही। ऐसे तमाम मामलों में आयोग या फोरम के समक्ष शिकायत की जा सकेगी।
हिमाचल प्रदेश के डिग्री कॉलेजों में 29 जून से कोरोना वायरस से बचाव के लिए सैनिटाइजेशन अभियान शुरू किया जाएगा। इसी दिन से कॉलेजों में शिक्षकों को भी बुलाना शुरू कर दिया जाएगा। शिक्षकों की देखरेख में कॉलेजों में सैनिटाइजेशन करवाया जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय ने जुलाई से शुरू होने जा रही है फाइनल ईयर की परीक्षाओं की तैयारियां शुरू कर दी है। गौरतलब है कि प्रदेश में 28 और 29 जून को फाइनल ईयर के विद्यार्थियों सहित 18 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों को वैक्सीन लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
कोविड टीकाकरण अभियान में हिमाचल प्रदेश देश भर में पहले स्थान पर है। हिमाचल के आसपास कोई भी राज्य नहीं हैं। पिछले एक सप्ताह में राज्य में रिकॉर्ड टीकाकरण किया गया है। प्रदेश में अब तक 49.7 फीसदी आबादी को वैक्सीन लग चुकी है। अभी 18 साल से ज्यादा आयु वर्ग की 55 लाख की आबादी को टीका लगाया जाना है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 23 जून तक 27 लाख 44 हजार 942 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में अभी तक केवल 16 फीसदी आबादी को ही वैक्सीन लगी है। देश के 24 राज्यों में हिमाचल प्रदेश पहले स्थान पर बना हुआ है। देश की राजधानी दिल्ली भी नौवें स्थान पर है। यहां अभी तक 34.3 प्रतिशत आबादी को ही वैक्सीन लगी है। हिमाचल में 18 से 44 साल आयु वर्ग के 6 लाख 69 हजार 27 लोगों को पहला टीका लगाया जा चुका है।
चीन और पाकिस्तान की सीमा से सटे लेह-लद्दाख और कारगिल तक जाने वाले सामरिक महत्व के मनाली-लेह तथा मनाली-दारचा-पदम-कारगिल मार्ग पर केंद्र सरकार चार सुरंगें बनाने जा रही है। इससे मनाली से कारगिल की दूरी 260 और लेह की दूरी 250 किलोमीटर कम होगी। मनाली-लेह मार्ग पर 29 किमी लंबी तीन सुरंगें बनेंगी। 16040 फीट ऊंचे बारालाचा दर्रा में सुरंग की डीपीआर बनाने के आदेश जारी कर दिए हैं। यह टनल करीब 11.25 किमी लंबी होगी। 17420 फीट ऊंचे तंगलंगला दर्रा में साढ़े पांच किमी तथा 15547 फीट ऊंचे नकिला दर्रा में साढ़े 13 किमी लंबी टनल बनाई जाएगी। इन सुरंगों का निर्माण सीमा सड़क संगठन करेगा। मनाली से लेह की दूरी 475 किलोमीटर है। सुरंगें बनने के बाद मनाली से लेह पहुंचने में करीब 12 घंटे लगेंगे। करीब 250 किमी सफर कम होगा। मनाली-लेह मार्ग भी डबललेन होगा। इसके करीब 80 फीसदी क्षेत्र में काम जारी है।
इंदु गोस्वामी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। इंदु गोस्वामी का कहना है कि जम्मू कश्मीर को लेकर पीएम ने 7 साल में वो कर दिखाया जो पिछले 70 साल में कांग्रेस नहीं कर पाई। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री के 56 इंच के सीने की बार-बार बात करने बाली कांग्रेस को बेहतर ज़बाब मिल गया है जब 14 ऐसे चेहरे सर्वदलीय बैठकमें शरीक हुए जो धारा 370 को हटाने का विरोध कर रहे थे तो ये ना सिर्फ राजनितिक जीत भाजपा की थी बल्कि देश का सम्मान भी था, जिसके लिए हम वर्षों से संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी हमेशा वोटो की राजनीति करती रही, लेकिन भाजपा ही ऐसी सरकार है जिसने देश की जनता की आवाज को समझा सुना और फिर उसपर अमल किया। यही कारण है ही धारा 370 के बाद राम मंदिर का मसला भी पूरे देश में सौहार्दपूर्ण माहौल में सुलझ गया। आज राम मंदिर का निर्माण भी चल रहा है तो अयोध्या में मस्जिद भी बन रही है।
उच्च शिक्षा निदेशालय ने पहली से 12वीं कक्षा में दाखिले लेने की अंतिम तारीख को 31 जुलाई तक बढ़ा दिया है। कई स्कूलों से दाखिलों की तारीख बढ़ाने की मांग आने के बाद शिक्षा निदेशालय ने शुक्रवार को इस बाबत लिखित निर्देश जारी कर दिए हैं। बता दें कि प्रदेश के ग्रीष्मकालीन स्कूलों में शनिवार से बरसात की छुट्टियां शुरू होंगी। राज्य मंत्रिमंडल की बीते दिनों हुई बैठक में ग्रीष्मकालीन स्कूलों में 26 जून से 25 जुलाई तक अवकाश देने का फैसला लिया गया है। अवकाश के दौरान भी विद्यार्थी पढ़ाई को जारी रखने के लिए व्हाट्सएप के माध्यम से रोजाना विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री भेजी जाएगी। छुट्टियों के दौरान विद्यार्थियों का पढ़ाई से संपर्क बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है। उधर, शीतकालीन जिलों में 1 जुलाई से शिक्षकों का स्कूलों में आना अनिवार्य कर दिया गया है। इन जिलों के स्कूलों में एक जुलाई के बाद शिक्षक स्कूलों में आकर ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखेंगे।
येलो अलर्ट के बीच शुक्रवार को प्रदेश भर में मौसम साफ रहा। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में चटक धूप खिली। अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी काफी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। गुरुवार रात को नाहन और बिलासपुर में 23 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार के लिए भी बारिश और अंधड़ का येलो अलर्ट जारी किया है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और उच्च पर्वतीय जिलों किन्नौर व लाहौल स्पीति में 27 से 29 जून तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा में एक जुलाई तक मौसम खराब बना रहने के आसार हैं। शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 37.2, बिलासपुर में 35.5, हमीरपुर-भुंतर में 34.0, कांगड़ा में 34.1, चंबा में 33.7, सोलन में 33.0, सुंदरनगर में 33.5, नाहन में 32.5, धर्मशाला में 29.2, शिमला में 25.6, कल्पा में 24.0, डलहौजी में 21.1 और केलांग में 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव संजय दत्त शुक्रवार को अपने सात दिवसीय दौरे पर शिमला पहुंचे। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर सहित अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। सेवादल ने उन्हें सलामी दी। संजय दत्त ने यहां पंहुचने पर अनुसूचित जाति विभाग व अन्य पिछड़ा वर्ग के पदाधिकारियों के साथ अलग अलग बैठक की व उनके विभागों से सम्बंधित पार्टी कार्यक्रमों की पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पार्टी की मजबूती के लिये सभी को संगठित होकर आगे चलना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के कल्याण के प्रति हमेशा चिंतित रहें है और यही कारण है कि कांग्रेस की सरकारों ने इस वर्ग उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं बनाई। इसी के साथ हिमाचल जैसे राज्य में भी पूर्व कांग्रेस सरकार ने इनके उत्थान के लिए आयोग तक गठित किए। संजय दत्त ने प्रदेश में अनुसूचित जाति व अन्य पिछड़ा वर्ग की उपेक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि सत्ता में आते ही कांग्रेस सभी के हितों का सरंक्षण करते हुए समाज मे इन्हें पूरा मान सम्मान दिलवायेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां पिछड़े वर्गों के आरक्षण विरोधी रही है।भाजपा ने पूरे देश को आज न केवल आर्थिक बदहाली की ओर धकेल दिया है बल्कि समाज को भी बांट कर रख दिया है। आज की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष यादवेंद्र गोम्मा, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप कुमार, पूर्व मंत्री विधायक कर्नल धनीराम शांडिल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगुराम मुसाफिर, विधायक विनय कुमार, पूर्व विधायक किशोरी लाल, डॉ.वीरू राम किशोर, राष्ट्रीय संयोजक अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ सुरेश कुमार, पूर्व महापौर सोहन लाल, कमल किशोर, डॉ.दलीप सिंह धीमान, उत्तम कश्यप, सेनराम नेगी, एस.आर.आजाद, संजू डोगरा, शकुंतला कश्यप, निर्मला चौहान, रिशव पांडे, अंजना धीमान के अतिरिक्त जिला व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी व् अन्य लोग भी उपस्थित थे। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे और संगठन को मजबूत करने के लिए अपने सुझाब दिए। अन्य पिछड़ा वर्ग की बैठक में अध्यक्ष दिलावर सिंह छोटू, मोहित चौधरी, विक्रम चौधरी, डॉ.मेहन्द्र, हरीश चौधरी, मान चंद राणा, विक्रम चौधरी, विशाल मेहरा, रोविन कौंडल, राजेन्द्र भंडारी, जिया लाल शास्त्री, गोरख धीमान, अरुण वाड़ी, गुरपाल, रत्न चंद और अन्य के अतिरिक्त जिला व ब्लॉक के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
लिव फॉर ऑल संस्था द्वारा 26 जून को ज्वालामुखी के नर्वदा होटल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। संस्था अध्यक्ष अंकित चौधरी ने बताया कि ज्वालामुखी में मटौर शिमला हाइवे पर स्थित नर्वदा होटल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है इसलिए अधिक से अधिक लोग रक्तदान करें ताकि कई जिंदगियों को बचाया जा सके। उन्होंने बताया कि रक्तदान शिविर के आयोजन में टाण्डा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा की डॉक्टरो की टीम पूर्ण नियमोँ की पालना करते हुए रक्तदान करवाएगी।
विभिन्न शिपिंग कंपनियों की यूनिफार्म अब जसवां-परागपुर क्षेत्र के स्वाणा गांव में बनेंगी। समाजसेवी, नेशनल शिपिंग बोर्ड के सदस्य और वीआर मेरीटाइम के प्रबंध निदेशक कैप्टन संजय पराशर ने इस गांव में लघु उद्याेग स्थापित कर दिया है और प्रारंभिक चरण में छह मशीनों के साथ कच्चा माल भी उपलब्ध करवा दिया है। तीन कारीगर गांव में इस काम को सीखने वाले लोगों को प्रशिक्षित करेंगे। शुक्रवार को विधिवत रूप से इस उद्योग ने कार्य करना शुरू कर दिया। इस मौके पर संजय पराशर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साधन न के बराबर हैं। यवुाओं को मजबूरी में अपने गांवों से पलायन करना पड़ता है। पिछले वर्ष जब कोरोना काल के बाद उन्होंने ग्रामीणों के हालात देखे तो पाया कि कई लोगों को रोजगार से हाथ धोना पड़ा और यहां कृषि योग्य भूमि भी ऐसी नहीं कि परिवारों का गुजारा हो सके। इसी स्थिति के मद्देनजर उन्होंने इस क्षेत्र में अपनी कंपनी के तीन शाखा कार्यालय खाेले। इन कार्यालयों के माध्यम से रोजगार देने की मुहिम लगातार जारी है। इसके अलावा स्वाणा गांव में खोला गया यह लघु उद्योग भी स्थानीय स्तर पर रोजगार दिलाने में एक मील का पत्थर साबित होगा। इस यूनिट में अत्याधुनिक तकनीक वाली मशानें लगाई गई हैं ताकि कम समय में यूनिफार्म व अन्य सामान तैयार हो सके। शीघ्र ही मशीनों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस उद्योग से आसपास के गांवों की महिलाओं को भी लाभ मिल सकता है और वे अपने परिवार के लिए अतिरिक्त आजीविका कमा सकती हैं। पराशर ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि अगले पाचं वर्षों में इस उद्योग में एक सौ से ज्यादा मशीनें स्थापित हों। उद्योग के तकनीकी संचालक रियाज ने कहा कि कैप्टन संजय पराशर के विजन के कारण यह उद्योग यहां पर लग पाया है क्योंकि शहरों के मुकाबले यूनिफार्म तैयार करने का खर्च अधिक होगा इसके बावजूद पराशर की सोच यही थी कि उद्योग लगने के बाद स्थानीय स्तर पर रोजगार तो बढ़ेगा ही साथ में इस उद्योग का सारा लाभ यहां के कर्मचारियों को ही दिया जाएगा। स्थानीय पंचायत उपप्रधान राजेश शर्मा ने बताया कि स्वाणा गांव के लिए यह पराशर द्वारा बड़ा प्लेटफार्म उपलब्ध करवाया गया है और अगर सभी गांववासी इस प्रोजेक्ट को लेकर गंभीरता दिखाएं तो रोजगार के साथ गांव का नाम भी रोशन होगा। गांववासी रमेश चंद शर्मा ने भी पराशर के इस तरह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिपिंग कंपनी की यूनिफार्म गांव में तैयार होना किसी सपने के सच होने जैसा है। निस्संदेह युवाओं को रोजगार मिलेगा तो गांवों की भी उन्नति होगी। कार्यक्रम में संजय पराशर की पत्नी सोनिका पराशर, वार्ड पंच भावना ठाकुर, मुकेश कुमार, संदीप कुमार चेला और कुलदीप कुमार भी उपस्थित रहे।
उपमण्डल ज्वालामुखी के अंतर्गत पुलिस चौकी मझीन के अंतर्गत दवकेड चौकी में मधुमखियों के काटने से एक महिला की दुखद मृत्यु होने का मामला प्रकाश में आया है। मृतका की पहचान बिमला देवी(78) पत्नी स्व.भगत राम निवासी दवकेड चौकी, डाकघर मझीन, त• खुण्डिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है की घर के नजदीक खेतों में काम करते समय मधुमखियों ने उस पर हमला कर दिया। जिसके बाद परिजन उसे मझीन में निजी क्लीनिक में उपचार हेतु ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे आगामी इलाज हेतू सिविल अस्पताल ज्वालामुखी ला रहे थे,कि घायल वृद्ध महिला बिमला देवी की रास्ते में ही मौत हो गयी। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ज्वालामुखी तिलक राज ने बताया कि पुलिस की जांच पड़ताल के बाद मृत बिमला देवी को पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल देहरा भेजा गया है।


















































