शिमला। चीफ व्हिप एवं भाजपा विधायक नरेंद्र बरागटा ने कहा कि यह दुख का विषय है कि प्रकृति की मार किसानों व बागवानों पर पड़ रही है। इस कारण हजारों करोड़ का नुकसान हो चुका है। क्या यह सत्य है कि 2009-10 में पायलट योजना के तहत फसल आधारित बीमा योजना शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि फसल का बीमा कई सालों से नहीं मिल रहा है, जबकि प्रीमियम खाते से पहले ही कट जाता है। जो कंपनियां बीमा राशि जारी नहीं कर रही, क्या उन्हें ब्लैक लिस्ट किया गया है। ड्रोन के माध्यम से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया जाए। वहीं, कांग्रेस सदस्य जगत सिंह नेगी ने कहा कि सेब किस फसल में आता है, जबकि फसल बीमा योजना रबी फसल की है। सेब तो खरीफ में आता है। महेंद्र सिंह ने कहा कि सेब की फसल को रबी की फसल के दौर में ही नुकसान होता है। इसलिए यह इसमें शामिल है। उन्होंने कहा कि ऊंची चोटियों में बाद में नुकसान होता है और इस कारण वे योजना के लाभ से वंचित होते हैं और वे इसका प्रावधान इसमें शामिल करने पर विचार करेंगे।
शिमला। ज्वालामुखी से भाजपा विधायक रमेश चंद धवाला अपनी ही सरकार से एक बार फिर मुखर हुए। प्रश्नकाल के दाैरान उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में निर्माणधीन स्कूल भवनाें की स्थिति पर जवाब मांगा। शिक्षा मंत्री गाेविंद सिंह ठाकुर ने पूरी स्थिति के बारे अवगत भी करवाया, लेकिन धवाला संतुष्ट नहीं दिखे। उन्हाेंने शिक्षा विभाग काे गलत जानकारी देने का आरोप लगाया। धवाला ने कहा कि जब पैसे ही नहीं थे ताे टेंडर आरोप लगाया। जब शिक्षा मंत्री गाेविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि भवनाें के निर्माण कब तक हाेंगे इसकी तय तिथि नहीं दे सकता हूं, मगर थाेडा सा इंतजार कराे। शिक्षा मंत्री के जवाब से असंतुष्ट रमेश धवाला ने कहा कि मैं पिछले तीन साल से इंतजार ही कर रहा हूं।
शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा विधायक दल के सदस्यों ने आज विधानसभा परिसर में सांसद स्वर्गीय रामस्वरूप शर्मा को पुष्पांजलि अर्पित की। दिवंगत आत्मा के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा गया। विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, मंत्रियों और विधायकों ने भी स्वर्गीय रामस्वरूप शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शिमला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला किन्नौर के बटसेरी गांव के युवा अमित कुमार नेगी को राष्ट्रीय ध्वज भेंट किया। अमित कुमार नेगी आईएमएफ एवरेस्ट मैसिफ ऐक्सपीडिशन 2021 के लिए चयनित पहले नागरिक हैं। उन्होंने नेहरू पर्वतारोहण संस्थान उत्तरकाशी से बेस कोर्स और राष्ट्रीय पर्वतारोहण और संबंध खेल संस्थान अरूणाचल प्रदेश से एडवांस कोर्स किया है। मुख्यमंत्री ने अमित कुमार नेगी के प्रयासों और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें एवरेस्ट अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा कि अमित कुमार नेगी की यह उपलब्धि राज्य के युवाओं को प्रेरित करने में सहायक सिद्ध होगी। विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, वन मंत्री राकेश पठानिया और विधायक जगत सिंह नेगी इस अवसर पर उपस्थित थे।
शिमला। पिछले साल काेविड-19 के दाैरान लाॅकडाउन के बीच बाहरी राज्याें में फंसे 23 हज़ार हिमाचलियों काे राज्य सरकार द्वारा वापिस लाया गया। जबकि 70 देशाें में फंसे 3 हजार 445 लाेगाें काे भी अपने क्षेत्राें में पहुंचाया गया। विधायक विशाल नैहरिया द्वारा पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने यह जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि पिछले साल 24 मार्च काे पूरे देश में लाॅकडाउन लगा था और इसी दाैरान जयराम सरकार ने बाहरी राज्याें और विदेशों में फसें हिमाचलियों काे अपने घराें तक पहुंचाने के ऐसा लिए कदम उठाया था।
शिमला। विधानसभा बजट सत्र के दाैरान आज सदन में सांसद रामस्वरूप के निधन का मामला भी गूंजा। प्रश्नकाल समाप्त हाेते ही नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहाेत्री ने इस मसले काे उठाया। उन्हाेंने कहा कि सांसद रामस्वरूप शर्मा एक नेक इंसान और साफ छवी के नेता थे। उनके निधन काे लेकर साेशल मीडिया में कई सवाल उठ रहे हैं। उन्हाेंने सरकार सांसद के निधन की जांच सीबीआई से करने काे कहा। मुकेश ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने एक सांसद खाेया है। जब फिल्म स्टार सुशांत राजपूत की जांच सीबीआई कर सकती है ताे हमारे सांसद के निधन की जांच क्याें नहीं? जवाब में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अभी काेई जल्दबाजी नहीं करेंगे। दिल्ली पुलिस जांच कर रही है और पाेस्टमार्ट रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। सीएम ने कहा कि सांसद के परिवार से भी वह मिलकर आए हैं और बताया कि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था। ऐसे में हमें पाेसटमार्ट रिपोर्ट आने तक थाेड़ा इंतजार करना हाेगा।
इंटक की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हमीरपुर के नाल्टी में पाइन ब्यू मैरिज पैलेस में 21 मार्च को होगी। इंटक के प्रदेश अध्यक्ष बाबा हरदीप सिंह बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में हिमाचल प्रदेश इंटक के चुनाव के बारे चर्चा की जाएगी और तिथि भी निर्धारित की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा श्रम कानूनों में किए जा रहे संशोधनों, न्यूनतम मजदूरी, वेतन आयोग बारे करने, पुरानी पेंशन बहाली सहित हिमाचल में कर्मचारियों व मजदूरों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक में इंटक से संबंधित विभिन्न संगठनों के प्रांतीय प्रधान एवं जिला क्र अध्यक्षों सहित प्रदेश भर के डेलीगेट हाजिर रहेंगे।
विद्यार्थियों को इसी सप्ताह प्रमोट करेगा एचपीयू शिमला, हजारों यूजी विद्यार्थियों का इंतजार होगा खत्म
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के हजारों यूजी विद्यार्थियों का प्रमोट होने का इंतजार इसी सप्ताह समाप्त हो जाएगा। प्रमोट करने का कार्य लगभग पूरा है। जल्द विश्वविद्यालय यूजी प्रथम और द्वितीय वर्ष के करीब एक लाख विद्यार्थियों को प्रमोट कर उनका रिजल्ट वेबसाइट पर अपलोड करेगा। इसके बाद छात्र लॉगइन आईडी से रिजल्ट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। यूजी परीक्षाओं से पहले विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को प्रमोट कर देगा। परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी माना कि कोविड-19 के कारण बीते वर्ष बने हालात के कारण यूजी प्रथम और द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं न होने के कारण स्नातक डिग्री कोर्स के प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं को प्रमोट करने का फैसला लिया था। छात्रों के कॉलेजों से भेजे गए इंटरनल असेसमेंट और परिणाम संबंधित रिकार्ड के आधार पर छात्रों को प्रमोशन का कार्य पूरा कर दिया गया है। इसकी टेस्टिंग सफल होते ही इसी सप्ताह परिणाम अपलोड कर दिया जाएगा। 2018 और 2019 सत्र के यूजी छात्रों को प्रथम और द्वितीय वर्ष में प्रमोशन दिया जाना है। कॉलेजों से इंटरनल असेसमेंट व परीक्षा फार्म न भरने पर नहीं होगी प्रमोशन यूजी डिग्री कोर्स के सिर्फ उन्हीं छात्रों को विश्वविद्यालय प्रमोट करेगा, जिनकी कॉलेजों से इंटरनल असेसमेंट विवि को मिली होगी और जिन्होंने पिछली कक्षा के परीक्षा फार्म भरे होंगे। अगली कक्षा की परीक्षा देने के लिए भी प्रमोशन और परीक्षा फार्म भरना अनिवार्य होगा। जिन छात्रों की इंटरनल असेसमेंट नहीं आई होगी और जिन्होंने परीक्षा फार्म नहीं भरे होंगे, उन्हें प्रमोट नहीं किया जाएगा। उनका रिजल्ट कार्ड जेनरेट नहीं होगा। विवि ने यूजी के परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 25 मार्च तक बढ़ाई है। पिछले सत्र में नहीं हुई थी यूजी प्रथम, द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं पिछले साल लॉकडाउन के कारण शिक्षण संस्थान बंद रहने से यूजी की प्रथम और द्वितीय वर्ष की वार्षिक परीक्षाएं नहीं करवाई गई थीं। इस कारण सरकार के आदेशों पर नवंबर में हुई ईसी की बैठक में इन दो बैच के छात्रों को प्रमोट करने का फैसला लिया गया था। प्रमोशन प्रथम वर्ष की इंटरनल असेसमेंट और द्वितीय वर्ष के छात्रों को पिछली कक्षा के प्राप्तांक और इंटरनल असेसमेंट के आधार पर प्रमोट करने का फार्मूला निकाला गया था।
सरकाघाट में कोरोना संक्रमण ने एक बार फिर कहर ढाया है। क्षेत्र में एक साथ छह नए मामले सामने आए हैं। यहां की पटड़ीघाट पंचायत में एक ही परिवार के छह लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इस बात की पुष्टि एसडीएम सरकाघाट जफर इकबाल ने की है। बता दें की सरकाघाट के पटड़ीघाट में जिस परिवार से यह सभी लोग संक्रमित पाए गए हैं, उसी परिवार की एक महिला की कोविड के कारण कुछ दिन पहले मौत हुई है। उधर, उपमंडल प्रशासन एक बार फिर से कोरोना को लेकर गंभीर हो चुका है और लोगों से अपील की जा रही है की वह कोविड नियमों का ईमानदारी के साथ पालन करें, मास्क पहनने और सामाजिक दूरी रखने की लोगों को हिदायत दी गई है।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में मर्डर का मामला सामने आया है। यहां पर एक भाई ने अपनी बहन की हत्या कर दी और साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला किया है। घायल मां को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पुलिस ने मर्डर का मामला दर्ज कर लिया है। सोलन पुलिस के अनुसार, थाना कंडाघाट इलाके में यह वारदात हुई। गांव बडायवला, अंजी, कंडाघाट (सोलन) नित्यानंद शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 मार्च की रात 10:30 बजे केडी शर्मा ने फोन करके बुलाया कि धर्म दत्त के मकान में किराए पर रह रहे संजू नेपाली के क्वार्टर में चीख-पुकार की आवाज आ रही है। संजू का लड़का विकास अपनी मां और बहन के साथ मारपीट कर रहा है। इसके बाद थाना कंडाघाट को सूचित किया और पुलिस मौके पर पहुंची तो विकास की मां तुलसी डबल बेड पर और लड़की सरिता फर्श पर बिछे गद्दे पर खून से लथपथ पड़ी थी। सरिता अर्धनग्न अवस्था में थी। पुलिस ने 108 एंबुलेंस को मौके पर बुलाया तथा दोनों घायलों को सीएचसी शोघी ले गए, जहां पर डॉक्टर ने दोनों घायलों का मेडिकल करवाने के बाद सरिता को मृत घोषित किया और तुलसी को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। फिलहाल, मामले की पड़ताल की जा रही है। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विकास निगम समिति निदेशक मंडल की त्रै-मासिक बैठक आज विधानसभा परिसर में वन मंत्री राकेश पठानिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि निगम के कामकाज तथा इसके राजस्व को बढ़ाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे, जिसके तहत शंकुधार टिंबर और खरशु की लकड़ी से लकड़ी के पैनल टाइल्स का निर्माण किया जाएगा। हिम काष्ठ बिक्री डिपो में लकड़ी एवं वन्य उपज की खुदरा बिक्री की जाएगी। फिनाइल एवं ब्लैक जापान की खुदरा बिक्री की जाएगी, लकड़ी और अन्य वन्य उपज की बिक्री के लिए व्यापक प्रचार किया जाएगा। विपणन अनुसंधान सैल को मजबूत किया जाएगा औषधीय जड़ी बूटियों का विपणन किया जाएगा एवं अन्य प्रकार की योजनाओं को आरंभ कर निगम की आय में वृद्धि की जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यालय तथा क्षेत्र में काम करने वालों की कमी को दूर करने के लिए आउट सोर्स आधार पर बेरोजगार युवाओं को नौकरी दी जाएगी ताकि निगम के स्टाफ की कमी को दूर किया जा सके तथा बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सके जिसके तहत लगभग 100 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि निगम के अंतर्गत राल तथा तारपीन के तेल की बिक्री की गई है जिसमें वित्त वर्ष 2020- 21 में 9 मार्च 2021 तक 30 करोड की राल तथा 16.4 करोड़ रुपए की तारपीन की बिक्री की गई है। निगम के अंतर्गत 4 सुरक्षाकर्मियों की भर्ती आउट सोर्स आधार पर की जाएगी। इस अवसर कार्य सूची की क्रमानुसार विस्तार से चर्चा की गई तथा निगम को बेहतर बनाने के लिए गहन विचार-विमर्श भी किया गया। बैठक में समिति उपाध्यक्ष सूरत नेगी, अतिरिक्त मुख्य सचिव वन विभाग आर डी धीमान, प्रिंसपल सीसीएफ हॉफ डॉक्टर सविता, मैनेजिंग डायरेक्टर अजय श्रीवास्तव, एडजेक्टिव डायरेक्टर लाल लूंग सांगा, समिती निदेशक विनय कुमार, राम कुमार, मानचंद ठाकुर, बलविंदर कुमार एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
शिमला। कल यानी शुक्रवार काे फिर से कैबिनेट मीटिंग हाेगी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हाेने वाली इस मीटिंग में सरकार कुछ अहम फैसले ले सकती है। विधानसभा बजट सत्र समाप्त हाेने के लिए अब दाे दिन शेष रह गए हैं और अंतिम दिन शनिवार काे बजट भी पास हाेना है। इस मसले पर भी कैबिनेट में चर्चा हाेनी है। साथ ही कुछ विभागों से संबंधित अध्यादेश पर काे भी कैबिनेट में मंजूरी मिल सकती है। बताया गया कि शुक्रवार काे बजट सत्र के बाद मंत्रीमंडल की बैठक विधानसभा परिसर में ही हाेगी।
शिमला। विधानसभा बजट सत्र में आज विपक्ष के विरोध के बीच सरकार ने हिमाचल प्रदेश राजकाेषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन संशाेधन विधेयक पारित किया। नाराज़ विपक्ष ने इस मुद्दे पर सदन से वाॅकआउट किया। सदन में पास हुए हिमाचल प्रदेश राजकोषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन संशोधन विधेयक 2021 के विरोध को लेकर सरकार ने विपक्ष को आड़े हाथ लिया है। मीडिया से बातचीत में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि यह संशोधन पुरानी गलती है, जोकि तत्कालीन वीरभद्र सिंह सरकार ने भी की है। हमने तो गलती को सुधारते हुए तुरंत संशोधन विधेयक विधानसभा में लाया है। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि तत्कालीन वीरभद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश राजकोषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन एक्ट की अवहेलना की है। कर्ज लेने के लिए लिमिट बढ़ाने का है एफआरबीएम एक्ट यह एक्ट राज्यों द्वारा लिए जाने वाले कर्ज की लिमिट से संबंधित विधेयक है। संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि वर्ष 2005 में संसद में एफआरबीएम एक्ट यानी राजकोषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन एक्ट बना। सभी प्रदेशों को एक्ट बनाने के निर्देश दिए गए। इसके तहत सकल घरेलू उत्पाद का राजकोषीय घाटा तीन फीसदी से कम रहेगा। अगर किसी साल यह तीन फीसदी से अधिक हो तो संशोधन करना जरूरी होता है। 2012 में वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार थी। 2012-13, 13-14, 14-15 में यह तीन फीसदी की लिमिट से ज्यादा हो गया। 2012-13 में 3.60, 2013-14 में 4.23, 2014-15 में 4.05 फीसदी रहा। यह एफआरबीएम एक्ट की अवहेलना थी और संशोधन लाने की जरूरत थी। पर तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह संशोधन एक साल के लिए है।
कोविड-19 बचाव टीकाकरण अभियान के अन्तर्गत आज सोलन जिला में 820 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। यह जानकारी आज यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने दी। डाॅ. उप्पल ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार वर्तमान में सोलन जिला में कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण कार्यक्रम कार्यान्वित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिला के 25 स्वास्थ्य संस्थानों में स्थापित मानक प्रक्रिया के अनुसार निर्धारित आयु वर्ग में टीकाकरण सुनिश्चित बनाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि अभियान के अन्र्तगत आज जिला में 128 स्वास्थ्य कर्मियों तथा 141 फ्रंटलाईन कर्मियों का टीकाकरण किया गया। उन्होंने कहा कि आज जिला में 45 से 59 वर्ष आयु वर्ग के 77 तथा 60 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के 474 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के प्रभावी प्रबन्धन के दृष्टिगत जिला में कोरोना वायरस संक्रमण के अधिक से अधिक परीक्षण करने पर भी बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए जिला में आरटीपीसीआर परीक्षण अब ठोडो मैदान में स्थापित वाॅक इन कियोस्क में भी करवाया जा सकेगा। अभी तक यह सुविधा आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में उपलब्ध थी।
उपमंडलाधिकारी कण्डाघाट डाॅ. विकास सूद की अध्यक्षता में आज कण्डाघाट में उपमण्डल के अधिकारियों के साथ कोविड-19 के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डाॅ. विकास सूद ने कहा कि कोविड-19 के प्रसार पर अंकुश लगाने के लिए उपमण्डल स्तर पर एक समिति गठित की गई है। इस समिति में तहसीलदार, सीडीपीओ, खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी तथा थाना प्रभारी को सदस्य बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह समिति विकास खण्ड के शैक्षणिक संस्थानों, होटलों तथा पर्यटक स्थलों का निरीक्षण सुनिश्चित बनाएगी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के प्रसार पर अंकुश लगाने के दृष्टिगत कण्डाघाट विकास खण्ड में कोरोना वायरस की सैम्पलिंग को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में प्रतिदिन 20 प्रतिशत रेंडम सैम्पलिंग सुनिश्चित बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास खण्ड के बोर्डिंग विद्यालयों पर विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने कोविड-19 के लिए गठित समिति के सदस्यों को निर्देश दिए कि समिति समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर कोविड-19 नियमों का पालन सुनिश्चित करवाएं। उन्होंने कहा कि कण्डाघाट विकास खण्ड में प्रतिदन 150 सैंपल लिए जाएंगे तथा इन्हें प्रतिदिन आधार पर सोलन भेजा जाएगा। जो भी अध्यापक लम्बे अवकाश के बाद ड्यूटी पर आते हैं तो उन्हें आरटीपीसीआर की रिपोर्ट साथ लानी अनिवार्य होगी। उन्होंने खण्ड चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि कोविड-19 की सैम्पलिंग की रिपोर्ट दैनिक आधार पर प्रस्तुत करें। डाॅ. विकास सूद ने लोगों से कोविड-19 टीकाकरण के लिए निर्धारित व्यवस्था के अनुसार टीकाकरण करवाने की अपील की। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करें तथा भीड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। इस अवसर पर तहसीलदार कण्डाघाट अमन राणा, सीडीपीओ पवन कुमार, खण्ड चिकित्सा अधिकारी सायरी डाॅ. संगीता उप्पल उपस्थित थी।
राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस का विशेष शिविर प्रोग्राम ऑफिसर प्रोफेसर मनिला गुप्ता की अगुवाई में आरंभ किया गया। इस अवसर पर एनएसएस के स्टेट लाइजन ऑफिसर डॉक्टर हीरालाल शर्मा ने मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की। मुख्य अतिथि और महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉक्टर जनेश कपूर ने स्वयंसेवियों को समाज सेवा का महत्व बताते हुए उन्हें प्रेरित किया। इस सात दिवसीय शिविर में एनएसएस के स्वयंसेवियों द्वारा समाज सेवा संबंधी विविध गतिविधियों को पूरा किया जाएगा। इस शिविर के शुभारंभ के अवसर पर प्रोफेसर संदीप कुमार, प्रोफेसर सुरेश कुमार और प्रोफेसर अरुण कुमार उपस्थित रहे।
हमारे आसपास प्रकृति में कई पेड़ पौधे हैं जो औषधीय गुणों से भरपूर हैं। इन्हीं में से एक कचनार का पेड़ है जो हर तरह से लाभदायक है। मंडी जिला की स्थानीय भाषा में इसे कराले कहते हैं। मार्च के बाद फूलों से लदने वाले इस पेड़ की पत्तियां, तना व फूल, कलियां आदि सभी उपयोगी हैं। मंडी जिला के अधिकांश क्षेत्रों में भी आजकल कचनार के पेड़ फूलों और कलियों से लदे हैं। कचनार की अनेक प्रजातियां में पाया जाता है। इनमें से गुलाबी कचनार का सबसे ज्यादा महत्व है। कचनार के फूलों की कली लंबी, हरी व गुलाबी रंग की होती है। बुजुर्गों और शोधकर्ताओं की मानें तो कचनार के फूल और कलियां वातरोग, जोड़ों के दर्द के लिए विशेष लाभकारी होती हैं। इसकी कलियों की सब्जी व फूलों का रायता बड़े ही चाव से खाया जाता है।
राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के विभिन्न थोक गोदामों तक आवश्यक वस्तुओं के परिवहन तथा मजदूरी दरें निर्धारित करने के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। इसकी जानकारी जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति नियंत्रक आदित्य बिन्द्रा ने दी। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की दरें निर्धारित करने के लिए निविदाएं 06 अप्रैल, 2021 सांय 04.00 बजे तक आमन्त्रित की गई हैं। इन्हें 08 अप्रैल 2021 को प्रातः 11.00 बजे उपायुक्त सोलन के समक्ष खोला जाएगा। परिवहन तथा मजदूरी कार्य के लिए निविदा प्रपत्र 500 रुपए की राशि अदा करके जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय से किसी भी कार्यदिवस पर प्राप्त किया जा सकता है। फोटोस्टेट किया हुआ निविदा प्रपत्र मान्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए उनके कार्यालय दूरभाष संख्या 01792-224114 पर संपर्क किया जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड कण्डाघाट से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 मार्च, 2021 को 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र कण्डाघाट में विद्युत लाईनों के आवश्यक मुरम्मत कार्य के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी सहायक अभियन्ता रमेश शर्मा ने दी। रमेश शर्मा ने कहा कि इसके दृष्टिगत इस विद्युत उपकेन्द्र के अन्तर्गत आने वाले क्षेत्र चायल, वाकनाघाट, दोची, छावशा व इसके आसपास के क्षेत्रों में 20 मार्च, 2021 को प्रातः 10.00 बजे से सांय 6.00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने आज जिला के अधिकारीयों के साथ कोविड-19 के सम्बन्ध में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कोविड-19 महामारी के सम्भावित प्रसार के दृष्टिगत विचार-विमर्श किया गया। केसी चमन ने कहा कि वैश्विक महामारी कोविड-19 का खतरा अभी टला नहीं है। इससे बचाव के लिए आवश्यक है कि प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन द्वारा इस सम्बन्ध में जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने जिला के सभी उपमण्डलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने उपमण्डल में कोविड-19 महमारी से निपटने के लिए स्थापित मानकों के अनुसार कार्य करें ताकि संक्रमण के खतरे पर अंकुश लगाया जा सके। केसी चमन ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोविड-19 के लिए टेस्टिंग को बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि जिला के औद्योगिक क्षेत्रों में ओईसोलेशन की सुविधा को पुनः सक्रिय कर दिया गया है और इन क्षेत्रों में संक्रमण की दर पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से टेस्टिंग को बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों का आरटीपीसीआर टेस्ट तथा कोविड-19 टीकाकरण सुनिश्चित बनाया जाए। उपायुक्त ने उपनिदेशक उच्च तथा प्रारम्भिक शिक्षा को निर्देश दिए कि यदि जिला के किसी भी विद्यालय में कोविड-19 का मामला सामने आता है तो उसकी काॅन्टेक्ट हिस्टरी का पता लगाकर जांच करवाई जाए। उन्होंने कहा कि जिला के सभी बोर्डिंग विद्यालयों में रेंडम सैम्पलिंग सुश्चिित बनाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि इन विद्यालयों में अधिक मामले पाॅजिटिव आते हैं तो शत-प्रतिशत सैम्पलिंग सुनिश्चित बनाई जाएगी। वंही, उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि राज्य पथ परिवहन निगम तथा निजी बसों का नियमित निरीक्षण किया जाए। बसों में यात्रियों से मास्क का उपयोग करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि बसों में यात्री बिना मास्क के पाए जाते हैं तो निजी बस ऑपरेर्टर के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल ने जिला में की जा रही कोविड-19 सैम्पलिंग की जानकारी प्रदान की। बैठक में उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय कुमार यादव, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ महेन्द्र पाल गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन अशोक वर्मा, उपमण्डलाधिकारी अर्की विकास शुक्ला, उमण्डलाधिकारी कसौली डाॅ. संजीव धीमान, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डाॅ. विकास सूद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी नरेंद्र कुमार तथा विभिन्न विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश में लगातार सड़क हादसे पेश आ रहे हैं। ताजा मामला शिमला जिले के चौपाल से है। यहां कार हादसे में मामा भांजे की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बुधवार को उपमंडल चौपाल के अंतर्गत सरांह क्यारी मार्ग में घाट करनाली स्थान पर एक कार दुर्घटना ग्रस्त हो गई, जिसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना की सुचना मिलते ही स्थानीय लोग घटना स्थल पर पहुंचे तथा मृतकों को गहरी खाई से निकाला। डीएसपी चौपाल राज कुमार ने दुर्घटना की पुष्टि की तथा कहा कि मामले में जाँच की जा रही है। एसडीएम चौपाल नरेंद्र चौहान ने कहा कि मृतकों के परिवारजनों को नियमानुसार फौरी राहत प्रदान करने के तहसीलदार को निर्देश दिए गए है। बताया जा रहा है कि हादसे में कार में सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो सवार रिश्ते में मामा-भानजा बताए जा रहे हैं। उनकी शिनाख्त वीरेंद्र उर्फ विक्कू (22) पुत्र श्याम सिंह आयु ग्राम गाहट डाकघर सरांह व बाबू राम (32) उर्फ नीटू, पुत्र धनी राम ग्राम सरी बांगड़ डाकघर पुलबाहल तहसील चौपाल जिला शिमला के तौर पर हुई है।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पुलिस की एसआईयू टीम ने सिंथेटिक ड्रग्स मामले में दो नाईजीरियन तस्करों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। इनसे हेरोइन लेकर कुल्लू में सप्लाई की जाती थी। नाईजीरियन के हवाले से 46 ग्राम चिट्टा भी बरामद किया गया है। दोनों विदेशी आरोपियों के पास पासपोर्ट और वीजा कुछ नहीं मिला है। एक आरोपी के पास फर्जी पासपोर्ट मिला है। इस पर पुलिस ने फॉरन एक्ट की धारा-14 के तहत मामला दर्ज किया है। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने 27 फरवरी को दो लोगों को 3.6 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया था। उनमें से एक ने जमानत पर रिहा होने के बाद फिर से चिट्टा का कारोबार शुरू कर दिया। उसके बाद अपनी महिला दोस्त के साथ मिलकर दिल्ली से 14 ग्राम चिट्टा लेकर आ रहे थे कि दोनों को भुंतर पुलिस ने 13 मार्च को बजौरा चैक पोस्ट में गिरफ्तार किया था। इनके लिंक खगालने पर छानबीन में पता चला की यह हेरोईन की सप्लाई दिल्ली से दो विदेशी नागरिकों की थी। पुलिस की एसआईयू टीम ने दिल्ली में दबिश देकर नाईजीरियन तस्करों को गिरफ्तार किया। इसके पास 46 ग्राम हेरोईन बरामद की है।
शिमला। प्रदेश के सरकारी विभागों में ऑउटसोर्स पर हाे रहीं नियुक्तियां सरकार नहीं करती हैं, बल्कि कंपनी ही तय करती है कि किसे नाैकरी दी जाए। विधायक कर्नल इंद्र सिंह द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री डा.राजीव सैजल ने इसकी जानकारी सदन काे दी। उन्हाेंने कहा कि मेडिकल कालेज नेरचाैक मंडी में 549 कर्मचारियाें की नियुक्तियां ऑउटसोर्स आधार पर की गई। मंत्री ने कहा कि एमओयू और टेंडर प्रक्रिया में जाे शर्तें लागू हाेती है उसी आधार पर कंपनी नियुक्तियां करती हैं। इसमें सरकार हस्तक्षेप नहीं करती है। सरकार के पास शिकायतें मिल रही हैं कि ऐसी ऑउटसोर्स कंपनियां करम्चारियाें का शाेषण भी कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार उन कंपनियाें के खिलाफ जांच भी करवाएगी। चंबा के विधायक पवन नैयर ने कहा कि चंबा मेडिकल कालेज में ऑउटसोर्स कर्मचारियाें काे पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कंपनी के खिलाफ करवाई की जाएगी।
शिमला। पड़ाेसी राज्य पंजाब से ऊना में नशे की सप्लाई हाे रही है। पिछले तीन साल में 330 अपराधियाें काे गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन केस हर दिन आ रहे हैं। गगरेट से भाजपा विधायक राजेश ठाकुर ने प्रश्नकाल के दाैरान सरकार से इस संदर्भ में सवाल पूछा ताे चाैंकाने वाली जानकारी भी मिली। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अनुपस्थिति में संसदीय कार्यमंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि बीते तीन साल में जिला ऊना में 146 आरोपी चिट्टे, 82 चरस, अफीम की तस्करी करने वाले 10 आरोपियों काे हिरासत में लिया गया। विधायक राजेश ठाकुर ने सरकार के ध्यान में लाया कि डमटाल क्षेत्र में कुछ महिलाएं चिट्टे का कराेबार कर रही हैं। यहां तक की उन क्षेत्राें के ऐसे लाेगाें के पास नई-नई गाड़ियां दिख रही हैं। उन्हाेंने सरकार से ऐसे लाेगाें की संपत्तियाें काे सील करने की अपील भी की। जवाब में सुरेश भारद्वाज ने कहा कि ऐसे संदिग्ध लाेगेां की संपत्तियाें काे सील करने के लिए ईडी से भी मंजूरी मांगी जा रही है।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बड़ा राजनीतिक खेल खेलते हुए मण्डी शहर के जाने माने ट्रांसपोर्टर को आम आदमी पार्टी में शामिल करके भाजपा को चारों खाने चित किया है। प्रदेश मीडिया प्रभारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज आप पार्टी में गुलशन दीवान को पार्टी में शामिल करके एक बड़ा राजनीतिक धमाका किया है। गुलशन दीवान को आप प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी ने पार्टी की टोपी और पटका पहनकर उनका स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि गुलशन दीवान पूर्व में बीजेपी परिवहन प्रकोष्ठ के जिला सचिव व पन्ना प्रमुख तथा बीजेपी के पुराने कार्यकर्ताओं में गिने जाते रहे है, पर अब वर्तमान में गुलशन दीवान निजी बस ओपेरटर यूनियन के जिला प्रधान पद पर अपनी सेवायें देने के साथ पूर्ण रूप से आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए है। इसके साथ टारना रोड से संबध रखने वाली सैहनवाज ब्यूटी पार्लर की मालकिन निर्मला ठाकुर को आज महिला विंग की जिला मण्डी अध्यक्ष विभा गुलेरिया ने आप पार्टी कि सदस्य्ता दिलाई। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्षअनूप केसरी, प्रदेश मीडिया प्रभारी एन.के पंड़ित, संगठन विस्तार कमेटी के वाईस प्रेजिडेंट शेर सिंह ठाकुर, संगठन विस्तार कमेटी के मेंबर सरदार जसप्रीत उर्फ़ स्मार्टी, कपूर चंद शर्मा, मण्डी नगर निगम के सह प्रभारी राकेश मंढोत्रा, जिला मण्डी की महिला विंग अध्यक्ष विभा गुलेरिया, सदर मण्डी के अध्यक्ष जसवन्त सिंह सेन, दिल्ली से ऑब्जॉर्बर आए सतीश ठाकुर, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता फाउंडर मेंबर हरदेव सिंह, कमल किशोर वर्मा, कश्मीर सिंह ठाकुर सहित कई मेंबर शामिल रहे। प्रदेश मीडिया प्रभारी एन के पंड़ित ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि अब बहुत जल्दी ही आम आदमी पार्टी अपने प्रत्याशियों को अन्तिम रूप देकर सूची जारी कर देगी।
दिवंगत सांसद रामस्वरूप शर्मा को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। रामस्वरूप शर्मा की पार्थिव देह सुबह पौने नौ बजे जोगेंद्रनगर पहुंची। सांसद का जोगेंद्रनगर के मछयाल स्थित श्मशानघाट पर अंतिम संस्कार किया गया। यहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आठ बजे जोगेंद्रनगर पहुंचने का कार्यक्रम था। लेकिन वह पौने 11 बजे के करीब जोगेंद्रनगर पहुंचे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी भी सांसद को श्रद्धांजलि देने पहुंची। इसके अलावा विधायक प्रकाश राणा, विनोद कुमार, जवाहर ठाकुर सहित अन्य नेता जोगेंद्रनगर पहुंचे। प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी छोटी काशी आज पूरी तरह गमगीन है, हर शख्स मौन है। एक तरफ छोटी काशी के सुदामा यानी दिवंगत सांसद रामस्वरूप शर्मा को अंतिम विदाई हो रही है, दूसरी और आठ दिन से अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में भाग लेने वाले 216 देवी-देवता भी एक साल के लिए इस गमगीन माहौल में विदाई ले रहे हैं। वंही, सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन पर व्यापार मंडल जोगेंद्रनगर के पदाधिकारियों ने शोक जताया है। शोकस्वरूप वीरवार को जोगेंद्रनगर बाजार बंद रहेगा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय धरवाल व होटल, ढाबा, रेस्तरां यूनियन के अध्यक्ष समीर सूद ने व्यापारियों से सहयोग की अपील की है।
शिमला। हिमाचल में काेराेना के केस हर दिन बढ़ रहे हैं। बुधवार काे राज्य में 167 नए केस सामने आए हैं। जबकि 52 लाेग स्वस्थ हाे गए। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिला बिलासपुर में 13, हमीरपुर 18, कांगड़ा 33, किनौर 3, कुल्लू 2, मंडी 5, शिमला 15, सिरमौर 11, साेलन 25 और जिला ऊना में सबसे अधिक 42 नए केस आए हैं। ऐसे में अब हिमाचल में काेराेना के एक्टिव केस 935 हाे गए हैं।
मुख्यमंत्री ने ऊना निवासी संजीव कुमार के अवशेषों को वापिस लाने के लिए केंद्रीय मंत्री से उठाया मामला
शिमला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने केंद्रीय विदेश मंत्री डाॅ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर से ऊना जिले के मोहल्ला गुरुसर वार्ड नंबर 2 के निवासी संजीव कुमार के अवशेषों को वापस हिमाचल प्रदेश लाने के लिए निजी हस्तक्षेप का आग्रह किया है ताकि उनका अंतिम संस्कार हिंदू परंपराओं के अनुसार किया जा सके। केंद्रीय विदेश मंत्री को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि संजीव कुमार 1999 से सऊदी अरब में मैसर्स सलीम अब्दुल्ला साद-अल-साकर के साथ ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहे थे और इस वर्ष 24 जनवरी को जद्दाह क्षेत्र के बेश अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद उनके परिवार ने भारतीय दूतावास से संपर्क किया ताकि मृतक के शवों को हिंदू संस्कार के अनुसार दाह संस्कार के लिए भारत लाया जा सके। हालांकि 18 फरवरी, 2021 को कंपनी के मालिक ने शोक संतप्त परिवार को सूचित किया था कि उन्होंने कब्रिस्तान में संजीव कुमार के शरीर को दफन कर दिया है। उन्होंने मृत्यु प्रमाण पत्र और दफनाने की एक प्रति भी परिवार को भेज दी जिसमें संजीव कुमार का धर्म गलत तरीके से मुस्लिम उल्लेखित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार के साथ-साथ राज्य सरकार ने विदेश मंत्रालय के साथ इस मामले में धार्मिक सिद्धांतों के खिलाफ शव दफनाने के बारे में जानकारी दी है और मंत्रालय से अनुरोध किया है कि संजीव कुमार के अवशेषों को वापस लाने के मामले में हस्तक्षेप करें ताकि हिंदू धर्म के अनुसार उनका दाह संस्कार किया जा सके।
अंतराष्ट्रीय शिवरात्रि मेला मंडी मे सांस्कृतिक संध्या के दौरान सरकाघाट संधोल धर्मपुर के लोकल कलाकारों की अनदेखी की गई है। जिसके सभी कलाकार मेला कमेटी और प्रसाशन से नाराज है। सरकाघाट से लोकल कलाकार संजय कुमार, पवन माहि, महेश कुमार, बेबी शर्मा, अनिशा भारद्वाज, मनोज कुमार, नीलू बादशाह, धर्मपुर से लोक गायक जगदीश सनवाल, विपिन सकलानी, अशोक कुमार, राजेश गुलेरिया, सुनील कुमार, पारूल, काकु राम, कुलदीप, रविन्द्र आदि ने नाराज़गी जताई है कि किसी को भी संध्याकालीन संस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने का मौका नहीं दिया गया ल उन्होंने बताया कि अपने ग्रृह जिला में उनकी अनदेखी करना और ज्यादा मौका बाहर के कलाकारों को प्राथमिकता से देना समझ से परे है l सभी कलाकारों ने धर्मपुर क्षेत्र से एक गरीब कलाकार जगदीश सनवाल को भी मौका ना देने पर सबने रोष व्यक्त किया है। वंही ,जगदीश सनवाल ने भी कमेटी और प्रशासन ने के खिलाफ रोष व्यक्त किया है। सभी स्वयं को ठगा सा महसूस कर रहे है। सभी कालकरों ने इस बेरुखी के चलते अगले साल ऑडिशन में जाने से साफ़ इंकार कर दिया।
स्विट्जरलैंड और हिमाचल प्रदेश में लगभग एक समान भौगोलिक परिस्थितियां और जलवायु है, जिससे स्विस उद्यमियों को पर्यटन, शीतकालीन खेल और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में निवेश करने के पर्याप्त अवसर प्राप्त होते हैं। ये विचार मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भारत में स्विट्जरलैंड के राजदूत डाॅ.राल्फ हेेकनर के साथ बातचीत के दौरान व्यक्त किए, जिन्होंने आज यहां मुख्यमंत्री से भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में निवेश करने के इच्छुक उद्यमियों को सुविधा प्रदान करने के लिए कई पहल की हैं। उन्होंने कहा कि राज्य ने निवेशकों को आकर्षित करने के लिए अनेक कदम उठाये हैं और व्यापार में सुगमता के लिए भी कई बहुआयामी प्रयास किए हैं। राज्य में संभावित उद्यमियों के लिए बेहतरीन पारिस्थितिकी तंत्र और निवेशक अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। प्रदेश सरकार उद्यमियों की सुविधा के लिए आधारभूत ढांचे को विकसित करने पर भी निवेश कर रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की शांत जलवायु और शुद्ध वातावरण यहां वर्षभर लाखों पर्यटकों को आकर्षित करते है। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश को आतिथ्य क्षेत्र में निवेश का आदर्श केंद्र बनाते हैं। एक बल्क ड्रग पार्क प्राप्त करने के लिए राज्य कड़ी मेहनत कर रहा है, जो कि फार्मा क्षेत्र के उद्यमियों को अंतर्राष्ट्रीय सुविधाएं प्रदान करेगा। राज्य सरकार केंद्र से मंडी में एक ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के निर्माण के लिए आग्रह किया है, जिससे निवेशकों, पर्यटकों और आम जनता को बेहतर हवाई संपर्क सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पन विद्युत ऊर्जा के क्षेत्र में भी विदेशी निवेश आकर्षित करने की अपार क्षमता है। राज्य में लगभग 27,000 मेगावाट पन विद्युत ऊर्जा क्षमता चिन्हित की है, जिसमें से 10,700 मेगावाट से अधिक का दोहन किया गया है। सरकार अगले कुछ वर्षों में अन्य 10,000 मेगावाट के दोहन के लिए प्रयास कर रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने सोलन जिले के वाकनाघाट के समीप एक आतिथ्य केंद्र स्थापित करने का भी निर्णय लिया है, जो राज्य सरकार के पर्यटन क्षेत्र में प्रयासों को बढ़ावा प्रदान करेगा। स्विटजरलैंड के राजदूत डाॅ. राल्फ हेकनर ने कहा कि स्विटजरलैंड भारत में 12वां सबसे बड़ा निवेशक है और यहां 300 से अधिक स्विस कंपनियां कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह स्विट्जरलैंड में 100 भारतीय कंपनियां भी काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन, आतिथ्य, स्वास्थ्य, यांत्रिक उपकरणों और संबद्ध क्षेत्रों में निवेश के लिए एक आदर्श स्थान है। उन्होंने कहा कि राज्य की समान जलवायु परिस्थितियों से स्विट्जरलैंड के उद्यमियों को यहां और प्रोत्साहन प्राप्त होगा। मुख्य सचिव अनिल खाची ने राजदूत से हिमाचल प्रदेश में निवेश करने के इच्छुक स्विट्जरलैंड के उद्यमियों को विभिन्न क्षेत्रों में राज्य की क्षमता को दर्शाने के लिए आग्रह किया।
अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन प्राइवेट आईटीआई दाड़लाघाट में 20 मार्च 2021 को सरकारी या गैर सरकारी आईटीआई द्वारा प्रशिक्षित तथा रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक उम्मीदवारों हेतु सुजुकी मोटर गुजरात प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने नौकरी हेतु साक्षात्कार रखे हैं। जिन उम्मीदवारों ने 2015 से 2020 तक प्रशिक्षण प्राप्त किया है, जिनमें फिटर, टर्नर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, उपकरण और डाई, मेकर, पीपीओ, मैकेनिक, ट्रैक्टर मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, पेंटर जनरल, ऑटोमोबाइल (सीओई) इत्यादि ट्रेड्स को शामिल किया गया है उन प्रार्थियों का चयन होना हैं। जिसके तहत प्राइवेट आईटीआई दाड़लाघाट तहसील अर्की जिला सोलन में 20 मार्च 2021 प्रातः 10:00 बजे लिखित तथा मौखिक साक्षात्कार हेतु इच्छुक उम्मीदवारों को आमंत्रित किया गया है। कैंपस प्लेसमेंट इंचार्ज विनोद वर्मा ने कहा है कि प्रार्थी की आयु साक्षात्कार की तारीख पर 18 से 22 वर्ष होनी चाहिए चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा होगी। उसके बाद उम्मीदवारों को अंतिम साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को 19400 रू मासिक पारिश्रमिक दिया जाएगा। अधिक जानकारी हेतु कैंपस प्लेसमैंट इंचार्ज विनोद वर्मा से 9218506816 पर संपर्क किया जा सकता है।
राजकीय माध्यमिक पाठशाला तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला सेरा में अध्यापकों ने काले बिल्ले लगाकर नई पेंशन स्कीम के विरोध में अपना प्रदर्शन दर्ज किया। न्यू पेंशन स्कीम के अन्तर्गत आने वाले अध्यापकों ने कहा कि प्रदेश न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी संघ के राज्य अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, महामंत्री भरत एवं उनके सहयोगियों द्वारा गत 12 दिनों से राजधानी शिमला में न्यू पेंशन स्कीम को बंद करने तथा पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल करने हेतु संघर्ष किया जा रहा है। इस स्कीम से प्रभावित सभी विद्यालय के अध्यापक अपने प्रदेशाध्यक्ष व महामंत्री के समर्थन में काले बिल्ले लगाकर न्यू पेंशन स्कीम का सांकेतिक विरोध किया।
राजकीय प्राथमिक पाठशाला डवारु (शमेली) में विद्यालय स्तर पर शिक्षा का संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान अखंड शिक्षा ज्योति मेरे स्कूल से निकले मोती कार्यक्रम का भी आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में बरायली पंचायत की प्रधान रीता शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर विद्यालय के मुख्य अध्यापक राजेश गुप्ता ने सभी सदस्यों का स्वागत किया और कोविड-19 महामारी के दौरान सुरक्षा एवं छात्रों को पढ़ाई के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर व्यक्तिगत स्वच्छता,बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ व कोविड-19 जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।कार्यक्रम में "अखंड शिक्षा ज्योति मेरे स्कूल से निकले मोती" के अंतर्गत पाठशाला से निकले पूर्व छात्रों को भी सम्मानित किया गया। जिनमे पवन शर्मा, लाल सिंह, हिमांशु, रूप चंद, प्रतिभा ठाकुर, रोहित गौतम शामिल है। मुख्य अतिथि पंचायत प्रधान रीता शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सभ्य समाज के निर्माण के लिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय की हर गतिविधि में भाग लेना चाहिए। उन्होंने सभी लोगों को सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर पंचायत प्रधान बरायली रीता शर्मा, उपप्रधान कृष्ण चंद भट्टी, मुख्याध्यापक राजेश गुप्ता,अध्यापक चित्रा शुक्ला, एसएमसी की अध्यक्ष व पंचायत सदस्य स्नेहलता, बसंत सिंह ठाकुर, हेमा देवी, सरोज, महिला मंडल शमेली की प्रधान निर्मला गौतम, डवारु की प्रधान महंती देवी, एसीएफ से दीक्षा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता वीना गौतम, रीना ठाकुर, प्रेम लता, मोनिका उर्मिला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
बुधवार 17 मार्च 2021 को पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन मुख्यालय कुनिहार की बैठक प्रधान धनीराम तनवर की अध्यक्षता में धर्मपुर के नजदीक गांव कंडा में आयोजित की गई। बैठक में सरकार व पुलिस प्रशासन से आग्रह किया की वह उनकी मांगो को जल्द से जल्द पूरा करे।धनीराम तनवर ने बताया कि साल 2015 में एसोसिएशन की मांग पर पुलिस विभाग द्वारा एक आदेश जारी हुआ था कि जब भी किसी पुलिस पेंशनर का निधन होगा तो थाना में सूचना मिलने पर एसएचओ स्टॉफ सहित उस पुलिस पेंशनर के अंतिम सम्मान में शामिल होकर उसके परिवार में जाकर संवेदना प्रकट करेगा। इस बारे एसोसिएशन की मांग की थी कि फौजी तर्ज पर पीड़ित परिवार को विभाग द्वारा कुछ राहत राशि भी दी जानी चाहिए। अब पुलिस विभाग ने 15 जनवरी 2021 को पुलिस वेलफेयर मीटिंग में निर्णय लिया है कि जब भी किसी पुलिस पेंशनर की निधन होने की सूचना थाना पर प्राप्त हो तो थाने से एनजीओ स्टाफ सहित अंतिम संस्कार में शामिल होगा वह पुलिस विभाग की तरफ से पुष्प चक्कर अर्पित करेगा। इस निर्णय का पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन ने स्वागत व धन्यवाद किया। एसोसिएशन मांग करती है कि पहले के आदेश के मुताबिक पुलिस अफसर को पीड़ित परिवार में जाकर संवेदना प्रकट करनी चाहिए इससे पुलिस विभाग का ही और सम्मान बढ़ेगा जैसा कि फौजी पेंशनर के अंतिम सम्मान के बाद फौजी अफसर उसके परिवार में जाकर संवेदना प्रकट करते हैं।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सोलन द्वारा गत दिवस सोलन में विधिक जागरूकता के सम्बन्ध में शिविर आयोजित किए गए। यह जानकारी जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव गुरमीत कौर ने दी। उन्होंने कहा कि इन शिविरों की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष भूपेश शर्मा ने की। गुरमीत कौर ने कहा कि प्रथम शिविर में 19 स्वयंसेवियों को कोविड-19 से सुरक्षा तथा निःशुल्क कानूनी सहायता, पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना (स्टेट एवं नालसा), मध्यस्थता, घरेलू हिंसा, मोटर वाहन अधिनियम तथा किशोर न्याय अधिनियम की जानकारी प्रदान की गई। शिविर में स्वयंसेवियों को सौंपे गए कार्यों के निर्वहन के सम्बन्ध में भी अवगत करवाया गया। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा द्वितीय शिविर वोकेशनल ट्रेनिंग संस्थान सोलन में आयोजित किया गया। शिविर में 45 महिलाओं ने भाग लिया। शिविर में महिलाओं को विभिन्न कानूनों की जानकारी प्रदान की गई। शिविर में 10 अप्रैल 2021 को आयोजित होने वाली लोक अदालत के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। गुरमीत कौर ने कहा कि इन शिविरों के दौरान कोविड-19 के सम्बन्ध में जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित बनाया गया।
नगर एवं ग्राम योजना विभाग के तत्वाधान में कण्डाघाट विकास खण्ड की ग्राम पंचायत सकोड़ी में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अन्य को हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम योजना अधिनियम 1977 व हिन्नर विशेष क्षेत्र में लागू नियमों तथा विनियमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक की अध्यक्षता नगर एवं ग्राम योजनाकार लीला श्याम ने की। लीला श्याम ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि सम्बन्धित ग्राम पंचायतों में लोगों को नगर एवं ग्राम नियोजन के नियमों की जानकारी दें ताकि सभी निर्माण कार्य योजनाबद्ध तरीके से हों। उन्होंने अपार्टमेंट/रेरा विनियम के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अधिसूचित योजना व विशेष क्षेत्र मे 500 वर्ग मीटर भूमि पर प्लाॅट या 8 से अधिक अपार्टमेंट के निर्माण का विक्रय करना चाहता है तो उसके लिए रेरा के अन्तर्गत पंजीकृत होना आवश्यक है। यदि किसी को सोलन जिला में कहीं भी 2500 वर्ग मीटर भूमि पर प्लाॅट या अपार्टमेंट का निर्माण कर उसका विक्रय करना हो तो ऐसे क्षेत्र को डीम्ड योजना क्षेत्र समझा जाएगा। ऐसे क्षेत्र के लिए नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग से स्वीकृति लेना व भू-सम्पदा (रेरा) के अन्तर्गत पंजीकृत होना अनिवार्य है। लीला श्याम ने इस अवसर पर लोगों को अवैध निर्माण तथा भविष्य में इससे उत्पन्न होने वाली समस्याओं के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं से निपटने के लिए विभाग की स्वीकृति के बिना कोई भी निर्माण न किया जाए। बैठक में सहायक नगर एवं ग्राम योजनाकार रमेश भारद्वाज ने शहर एवं नगर योजना की आवश्यकता तथा महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने नगर एवं ग्राम योजना अधिनियम 1977 के अधीन राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर अधिसूचित विभिन्न नीतियों एवं नियमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने योजनाबद्ध निर्माण के लाभ भी बताए। उन्होंने कहा कि सीमित मंजिल के मकान जहां सुरक्षित हैं वहीं आवास के भीतर उचित पार्किंग की व्यवस्था सभी के लिए लाभदायक है। योजना अधिकारी राजमोहन सिंह ने हिमाचल प्रदेश टीसीपी विनिमय 7 तथा 8 के बारे मे विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश टीसीपी अधिनियम 1977 की धारा 16 (सी) के बारे में पंचायत प्रतिनिधियों अवगत करवाया। प्लाॅट सब डिविजन की उपयोगिता व इसे न करवाने के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 27 मार्च 2009 को जारी अधिसूचना के अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण के लिए छूट प्रदान की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में 600 वर्ग मीटर फलोर एरिया तक के तीन मंजिला रिहायशी भवन निर्माण के लिए विभाग की अनुमति की आवश्यकता नहीं है। इसके लिए कोई शुल्क भी देय नहीं है। उन्होंने वर्षा जल संग्रहण टैंक तथा सौर उर्जा के प्रयोग की जानकारी भी दी। बैठक में ग्राम पंचायत सकोड़ी के प्रधान सुरेश कुमार, ग्राम पंचायत चायल की प्रधान उषा शर्मा, ग्राम पंचायत रहेड़ की प्रधान मीरा कश्यप, ग्राम पंचायत नगाली की प्रधान कौशल्या शर्मा, ग्राम पंचायत हिन्नर के प्रधान अनिल मंमगई, ग्राम पंचायत दंघील के प्रधान बलबीर सिंह, ग्राम पंचायत बांजणी के प्रधान मोहिन्द्र सिंह, ग्राम पंचायत झाझा की प्रधान पुष्पा वर्मा, वरिष्ठ योजना प्रारूपकार बलराज, प्रारूपकार जसबीर सिंह, मनोहर कौंडल रविन्द्र वर्मा तथा सागर कुमार उपस्थित थे।
शिमला। मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद राम स्वरूप शर्मा की आकस्मिक निधन पर हिमाचल प्रदेश विधानसभ सदन ने उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दी। बुधवार कसे सुबह 11 बजे से सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से हाेनी थी, लेकिन सांसद के निधन की सूचना मिलने पर शाेकाेद्धघार प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सदन में शाेकाेद्धघार प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसमें सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्याें ने भाग लेकर सांसद काे श्रद्धांजलि दी। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि रामस्वरूप शर्मा एक मिलनसार नेता थे। संगठन के लिए दिन-राम काम करना, लाेगेां से मिलना और लाेगाें के बीच रहना उनकी खासियत थी। उन्हाेंने कहा कि मुझे यकीन नहीं हाे रहा है कि सांसद राम स्वरूप शर्मा का निधन कैसे हुआ? नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहाेत्री ने कहा कि राम स्वरूप शर्मा ने हमेशा से ही दलगत राजनीति से उठ कर काम किया। संसदीय कार्यमंत्री सुरेश भारद्वाज, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, वन मंत्री राकेश पठानिया, विधायक राकेश जम्वाल और प्रकाश राणा ने शाेकाेद्धघार में भाग लिया। इस दाैरान सभी विधायकों ने दाे मिनट का माैन भी रखा।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कारोना के मामले फिर से बढ़ने लगे है। पंजाब में बढ़ रहे कारोना मामलों पर भी हिमाचल चिंतित है जिसको देखते हुए ऊना के मेढ़ी मेले में आने वाली भीड़ पर नज़र रखने के निर्देश जारी किए गए है। प्रदेश में फ़िर से बढ़ रहे कारोना मामलों के चलते सरकार 20 मार्च तक नज़र बनाने के बाद पाबंदियों पर विचार करेगी। देश में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की है। प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना वेक्सीनेशन को बढ़ाने, व गावों में टेस्टिंग को बढ़ाने कोरोना टीकाकरण को गंभीरता से लेने को कहा। पीएम ने दवाई भी और कड़ाई का भी प्रयोग करने को कहा है।मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक में कोविड -19 वेक्सीनेशन व आरटीपीसीआर टेस्ट को बढ़ाने की बात कही है। वैक्सीन की वेस्टेज नही होनी चाहिए इस पर प्रधानमंत्री ने बल दिया। माइक्रो कंटेंमेंट जॉन बनाने को कहा गया है। कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग करने को भी कहा गया है ताकि कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सके। प्रदेश में होने वाले मेलों में एसओपी का पालन किया जाएगा। पोलिटिकल व अन्य समारोह पर रोक को लेकर दो तीन दिनों के बाद कि स्थिति को देखते हुए निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि पंजाब में कारोना के मामलों को देखते हुए ऊना मेले में श्रद्धालुओं के आने पर सख़्ती बरती जाएगी। जिसको लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री से बातचीत की जाएगी।
मण्डी संसदीय क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा के आकसमिक निधन के कारण जिला बिलासपुर में 17 मार्च से 23 मार्च तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले का सादे तरीके से उपायुक्त रोहित जम्वाल ने लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना करने के उपरांत लुहणू मैदान में बैल पूजन व खूंटा गाडकर विधिवत रूप से शुभारम्भ किया। गौरतलब है कि राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले का शुभारम्भ खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री राजिन्द्र गर्ग द्वारा किया जाना था, लेकिन मण्डी संसदीय क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के कारण उपस्थित नहीं हुए जिसके चलते प्रशासन द्वारा नलवाड़ी मेले के शुभारम्भ की परम्पराओं का निर्वहन किया गया। शुभारम्भ अवसर पर प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी स्थगित कर दिए गए।
हिमाचल प्रदेश योगासन खेल संघ की राज्य स्तरीय ऑनलाइन योगासन खेल प्रतियोगिता के फ़ाइनल राउंड में 31 प्रतिभागी पहुंचे हैं। संघ के महासचिव विनोद योगाचार्य ने आज यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों को 6 वर्गों में बांटा गया है। सब जूनियर गर्ल्स वर्ग में निधि डोगरा, दिशा डोगरा, श्रद्धा, जयाना शर्मा, दीक्षा व शारदा ठाकुर चयनित हुई है। सब- जूनियर बॉयज में विश्वजीत, अभिषेक, तरुण ठाकुर, यशन, संदीप और प्रभव ठाकुर फाइनल में गए हैं। जूनियर गर्ल्स में पुरबा भाटी, श्रुति, नितिका, सानवी, दीक्षिता और अंजलि चयनित हुए हैं। जूनियर बॉयज में हितेश कुमार, हर्ष वर्धन व पीयूष मेहता चयनित हुए हैं। सीनियर गर्ल्स में कौशल्या देवी, वैशाली, भारती ठाकुर, कमलेश कुमारी, यामिनी व साक्षी ने फाइनल में जगह बनाई। सीनियर बॉयज में निकेतन पुंडीर, दीक्षित, ओंकार सिंह व अमित ठाकुर चयनित हुए हैं । प्रतियोगिता का फाइनल राउंड 21 मार्च को होगा। यह प्रतियोगिता योग गुरु प्रोफेसर जीडी शर्मा की देख रेख में व राष्ट्रीय योगासन खेल संघ के दिशा निर्देशानुसार करवाई जा रही है। प्रतियोगिता के संचालन में इंजीनियर पंकज डडवाल, डॉ विवेक सूद, गोपाल अत्री, हेतराम, रंजीत योगी, नवीन कुमार, शुभम शर्मा, ईशान चौहान, अनुपमा चंदेल, लीलाधर शर्मा, भूपेंदर देव, क्षमा शर्मा, डॉ ममता गौरा, दीपिका वर्मा, नेहा सूद, अमिता शर्मा, अंजना रांटा, रमेश चंद, सुनीता शर्मा, केसर सिंह, बबिता, अंजू कुमारी और चैतन्या ठाकुर ने सहयोग किया।
बुधवार दोपहर को चिंतपूर्णी माता मंदिर की लिफ्ट के पास शम्भू बैरियर की तरफ से आती एक कार ने तीन श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी और इनमें से एक श्रद्धालु गाड़ी के नीचे फंस गया। जिसे मौके पर उपस्थित नजदीक के दुकानदारों और वहां से निकल रहे श्रद्धालुओं ने गाड़ी उठाकर निकाला। वहां से निकल रहे लोकल गाड़ी वालों ने उक्त लोगों को अपनी गाड़ी में अस्पताल पहुंचाया। जालंधर के रामा मंडी से ये श्रद्धालु मां के दरबार में माथा टेकने पहुंचे थे कि अचानक सफेद रंग की कार नंबर एच पी-19-इ-7539 सड़क के किनारे चल रहे श्रद्धालुओं पर जा चढ़ी। परिवहन विभाग के मुताबिक उक्त गाड़ी अनूप कुमार के नाम से पंजीकृत है। घटनास्थल पर मौजूद साक्ष्यों से लगता है कि कार चालक को ढंग से गाड़ी चलाना नहीं आता था और उसने जगह न होने के बावजूद गाड़ी ठोक दी। घायलों में एक महिला श्रद्धालु भी शामिल है, जिसे उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। जबकि देसराज निवासी बेहड़ जसवां तहसील अम्ब और रामा मंडी जालंधर से जय किशन गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें रेफर करने को तैयारी की जा रही है। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई है और सारे मामले की तफ्तीश में जुटी है।
कोविड-19 पॉजिटिव विद्यार्थियों की परीक्षा अब नहीं रुकेगी। कोविड-19 पॉजिटिव भी अपनी परीक्षा दे सकेंगे। इसके लिए प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने इंतजाम कर लिए हैं। अप्रैल से शुरू हो रही वार्षिक परीक्षाओं में इस बार कोविड-19 के विशेष इंतजाम हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा किए गए हैं। अगर कोई विद्यार्थी परीक्षा की तय तिथियों में कोरोना संक्रमित होता है तो भी उसे परीक्षा से वंचित नहीं रखा जाएगा, इसके लिए अलग से व्यवस्था की गई है। शिक्षा बोर्ड की ओर से पॉजिटिव परीक्षार्थी के लिए अलग कक्ष की व्यवस्था की जाएगी। परीक्षा देने से पहले विद्यार्थियों की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। इस दौरान यदि किसी बच्चे को बुखार या जुकाम लगता है तो उसकी भी परीक्षा उसी दिन ली जाएगी। परीक्षाएं कोविड-19 एसओपी गाइडलाइन के तहत होंगी। कैसे बच्चों की परीक्षा लेनी है, क्या सावधानियां इस दौरान अपनाई जाएंगी, इंविजलेटर को क्या सावधानियां बरतनी हैं, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। कोविड-19 संक्रमित विद्यार्थी की उत्तरपुस्तिका का पैकेट कैसे बनाना है तथा उसको सही तरीके से सैनिटाइज किया जाना है, संबंधी विभिन्न सुरक्षा उपायों को अपनाया जाएगा। लेकिन परीक्षा निर्धारित तिथि को ही होगी।
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के विकास खंड बमसन की ग्राम पंचायत डबरेहड़ा में लोगों को खुले में शराब पीना महंगा पड़ेगा। पंचायत ने ऐसे व्यक्ति के पकड़े जाने पर पहली बार 500 रुपये तक का जुर्माना और दूसरी बार पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान किया है। इसके अलावा कोई शराब पीकर हुड़दंग करता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पंचायत में फेरी लगाकर सामान बेचने वालों को कोविड-19 निगेटिव रिपोर्ट साथ लानी होगी। फेरी वालों की पंचायत एक पर्ची भी काटेगी। जिसमें फेरी वाले को कुछ भुगतान करना होगा। इससे पंचायत को आय होगी। ग्राम पंचायत डबरेहड़ा पहली बार ही बनी है। ग्राम पंचायत लंबलू से विभाजित होकर इस पंचायत का गठन हुआ है। हाल ही में इसी पंचायत के रास्ते में कॉलेज से लौट रही छात्रा का पीछा कर कुछ वाहन सवार लोगों ने हवा में गोली दागी थी। यह क्षेत्र सुनसान है और यहां लोग शराब पीने के लिए बैठे रहते हैं। इसी को देखते हुए पंचायत प्रतिनिधियों ने यह फैसला लिया है। पंचायत प्रधान सुरेश शास्त्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पंचायत क्षेत्र में खुले में शराब पीते हुए पाया गया तो पहली बार उसे 500 रुपये जुर्माना और दूसरी बार पुलिस कार्रवाई होगी। फेरी वालों को कोविड-19 टेस्ट करवाने पर ही निगेटिव रिपोर्ट के साथ ही पंचायत में प्रवेश मिलेगा। शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की इकाई पट्टाबराबरी -हरिपुर के चुनाव पट्टाबराबरी पँचायत के दुर्गामाता मन्दिर परिसर में 30 मार्च को करवाए जाएंगे। इकाई अध्यक्ष डीडी कश्यप ने चुनाव सम्बन्धी जानकारी देते हुए बताया कि कार्यकारणी के सभी सदस्यों ने निर्णय लिया है कि 30 मार्च को सुबह 11 बजे से 1 बजे तक नई कार्यकारणी के गठन के चुनाव होंगे। दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक लंच ब्रेक के बाद 2 से 4 बजे तक इकाई का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यकारणी के चुनाव सम्पन करवाने व स्थापना दिवस के लिए जिला पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीआर भारद्वाज व महासचिव जगदीश पंवर को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है। डीडी कश्यप इकाई अध्यक्ष ने सभी चार पंचायतों जाबल झमरोट,पट्टाबराबरी,हरिपुर व जाडली के सभी पेंशनरों से अपील की है कि 30 मार्च 2021 को सुबह 10 बजे दुर्गामाता मन्दिर परिसर में पहुंचे ताकि चुनाव प्रक्रिया व स्थापना दिवस को सही समय पर निपटा सकें।
शोघी और सुन्नी में दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। पहला हादसा शोघी पास सलाना के पास हुआ, जिसमें तरुण शर्मा निवासी सलाना शिमला और रविंद्र कुमार निवासी सदर बिलासपुर की मौत हो गई। तरुण शर्मा सलाना में स्टोन क्रशर में ड्राइवर के तौर पर काम करता था। बताया जा रहा है कि तरुण शर्मा सुबह अपनी कार से घर के लिए निकला और इसके साथ ही रविंद्र भी था। तरुण शर्मा ने क्रशर वाली सड़क से गाड़ी मेन रोड पर निकाली, इसके बाद गाड़ी सड़क से करीब 300 मीटर नीचे खेत में जा गिरी। गाड़ी गिरते ही स्थानीाय लोग मौके पर इकठ्ठा हुए और गाड़ी में सवार दोनों लोगों को शोघी अस्पताल भेजा, जहां डाक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरा हादसा सुन्नी के करयाली में जीरो प्वांइट पर हुआ है। बताया जा रहा है कि कार नबंर एचपी 52 बी-7844 करायाली निवासी अकाश वर्मा चला रहा था। इस हादसे में आकाश वर्मा की मौत हो गई है। वहीं सन्नी नामक युवक घायल हो गया है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा के आकस्मिक निधन पर हिमाचल प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। अब सिर्फ जलेब निकलेगी। प्रदेश विधानसभा में भी आज की कार्यवाही कल तक शोक में स्थगित कर दी गई है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रामस्वरूप के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया- हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद रामस्वरूप शर्मा की आकस्मिक मृत्यु के समाचार से व्यथित हूं। एक साधारण परिवार में जन्मे, रामस्वरूप का व्यक्तित्व बहुत सरल था। वे क्षेत्र के विकास के लिए सदैव समर्पित रहते थे। उनके परिवार-जनों व समर्थकों को मेरी शोक संवेदनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया- रामस्वरूप शर्मा जनता के प्रति एक समर्पित नेता थे। लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहे। आकस्मिक निधन की खबर सुनकर बहुत दुःखी हूं। सीएम जयराम ठाकुर ने ट्वीट किया- छोटी काशी मंडी के लोकप्रिय, सरल स्वभाव व ईमानदार सांसद रामस्वरूप शर्मा के असामयिक निधन की खबर सुनकर बहुत दुःखी हूं। प्रदेश के शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि नरेंद्र मोदी जब हिमाचल के प्रभारी थे तो रामस्वरूप शर्मा को संगठन महामंत्री के रूप में नियुक्त किया गया था। वे अनेक पदों पर काम करते रहे। मंच पर जाने से भी संकोच करते थे। संगठन मंत्री के नाते पीछे ही रहते थे, पर संगठन के लिए समर्पित थे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नडडा, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो0 प्रेम कुमार धूमल, पूर्व मुख्यमंत्री शान्ता कुमार, केन्द्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा, सांसद किशन कपूर, इंदू गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, कृपाल परमार, राम सिंह, पुरषोतम गुलेरिया, संजीव कटवाल, रतन सिंह पाल, कमलेश कुमारी, धनेश्वरी ठाकुर, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, त्रिलोक कपूर, राकेश जम्वाल, प्रदेश सचिव पायल वैद्य, बिहारी लाल शर्मा, विशाल चैहान, कुसुम सदरेट, सीमा ठाकुर, वीरेन्द्र चैधरी, जय सिंह, श्रेष्ठा चैधरी, कोषाध्यक्ष संजय सूद, कार्यालय सचिव प्यार सिंह, मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा, प्रवक्ता बलदेव तोमर, प्रो0 राम कुमार, अजय राणा, विनोद ठाकुर, शशि दत शर्मा, उमेश दत शर्मा, मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, सह मीडिया प्रभारी नरेन्द्र अत्री, करण नंदा, सुमित शर्मा, अमित सूद, रजत ठाकुर, पूर्व सांसद वीरेन्द्र कश्यप, बिमला कश्यप सहित समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं ने मण्डी से सांसद रामस्वरूप शर्मा के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि रामस्वरूप शर्मा सरल व्यक्तित्व, मिलनसार एवं पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ता थे। उनके निधन से समस्त भाजपा परिवार सदमे में है। उन्होनें कहा कि रामस्वरूप शर्मा ने लम्बे समय तक पार्टी की सेवा की है और वे पहली बार वर्ष 2014 में मण्डी लोकसभा से सांसद निर्वाचित हुए थे उन्होनें पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी को भारी मतों से हराया था। उसके बाद वर्ष 2019 में वे दूसरी बार मण्डी लोकसभा क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुए थे। रामस्वरूप शर्मा दो बार जिला मण्डी के महामंत्री रहे। वे 2000-2003 तथा 2009-2012 तक भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री रहे। इसके अतिरिक्त वे वर्ष 2013 तथा 2015 में दो बार प्रदेश उपाध्यक्ष रहे। इसके साथ-साथ उन्होनें संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन बखूबी किया था। रामस्वरूप शर्मा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सक्रिय सदस्य थे तथा संघ में रहते हुए भी उन्होनें विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया था। उन्होंने ने कहा कि संसद में उन्हें रामस्वरूप शर्मा के साथ काम करने मौका मिला और इस दौरान उनसे काफी कुछ सिखने को भी मिला। उन्होनें कहा कि रामस्वरूप शर्मा के साथ उनके घनिष्ठ संबंध रहे हैं और अपने संसद सदस्य, संगठन के साथी एवं व्यक्तिगत मित्र को खोने की टीस सदा मन में रहेगी। उन्होनें कहा कि रामस्वरूप शर्मा ने संगठन के प्रति अपने सभी कर्तव्यों को निष्ठापूर्वक पूरा किया था। ऐसे कर्तव्यनिष्ठ एवं संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ता के असामायिक निधन से पार्टी को अपूर्णीय क्षति हुई है जिसकी भरपाई निकट भविष्य में कर पाना अति कठिन होगा। उन्होनें रामस्वरूप शर्मा के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन एवं दुख की घड़ी में पार्टी उनके साथ खड़ी है। भाजपा नेताओं ने दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे व परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा का बुधवार को दिल्ली में निधन हो गया है। सांसद रामस्वरूप शर्मा की दिल्ली में संदिग्ध हालत में मौत की खबर से सत्ता के गलियारों में सनसनी मच गई है। उन्होंने दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन के कारण आज होने वाली भाजपा संसदीय दल की बैठक रद्द कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, उन्हें सांसद के एक स्टाफ ने सुबह करीब 8.30 बजे जानकारी दी कि आरएमएल अस्पताल के पास गोमती अपार्टमेंट में बीजेपी सांसद रामस्वरूप शर्मा ने आत्महत्या कर ली है। घटना स्थल पर जब अधिकारी पहुंचे तो उनका कमरा अंदर से बंद था। जब दरवाजे को तोड़कर खोला गया को उनका शव फंदे से लटका मिला। सांसद दिल्ली में गोमती अपार्टमेंट में रहते थे। दिल्ली पुलिस पूरे मामले की गहनता से जाँच कर रही है। फिलहाल उनकी खुदकुशी के कारण का पता नहीं चला है। गौरतलब है कि रामस्वरूप शर्मा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में हॉट सीट मंडी से ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी और वो दूसरी बार बड़े मार्जन से जीतकर संसद पहुंच थे। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा को करीब चार लाख मतों के भारी अंतर से हराकर जीत दर्ज की है। यह मंडी संसदीय क्षेत्र की अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक जीत रही है।
विधानसभा बजट सत्र में कटाैति प्रस्ताव पर चर्चाएं हुई ताे विपक्ष ने सीएम जयराम ठाकुर और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर पर स्कीमाें काे बांटने का आरोप लगाया। सिंचाई, जलापूर्ति एवं सफाई पर अनुदान मांगों पर कांग्रेस के 11 विधायकों और माकपा विधायक राकेश सिंघा की ओर से रखे कटौती प्रस्ताव पर चर्चा हुई। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहाेत्री बोले। उन्होंने सरकार पर बजट आबंटन में भेदवाव का आरोप लगाया। इसके अलावा आशा कुमारी ने चर्चा में कहा कि प्रदेश में केवल दो ही विधानसभा क्षेत्रों में पैसे खर्च किए जा रहें है। आशा कुमारी ने आरोप लगाया कि पूरी योजना की 47 फीसदी राशि केवल सीएम जयराम ठाकुरऔर जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के चुनाव क्षेत्र में खर्च की जा रही है। सीएम के चुनाव क्षेत्र में 2600 करोड़ रुपए और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के चुनाव क्षेत्र में 1800 करोड़ की स्कीमें दी गई हैं जो कुल योजना का 47 फीसदी बैठता है। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने विधानसभा में बजट बंटवारे को लेकर हमलावर हुए। अग्निहोत्री ने हिमाचल सरकार से जल जीवन मिशन और अन्य योजनाओें के लिए बजट बंटवारे पर श्वेत पत्र मांग लिया। मुकेश ने कहा कि सरकार श्वेत पत्र जारी करे कि जल जीवन मिशन, दूसरे प्रोजेक्ट का और अन्य मसलों का कितना बजट आया है। इस बारे में सारी स्थिति साफ की जाए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दो-तीन हलकों में ही बजट बांट दिया गया है। कटौती प्रस्तावों और चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने जल जीवन मिशन में आज तक हुई टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठाए। मुकेश ने कहा कि जल जीवन मिशन में प्रदेश के पूरे पैसे से केवल दो ही विधानसभा क्षेत्रों में ही काम किया गया है। मुकेश ने कहा कि सीएम के चुनाव क्षेत्र में सबसे ज्यादा स्कीमें और राशि आबंटित की गई है। जल जीवन मिशन में कुल कितने टेंडर करवाए गए।
मुख्य सचिव अनिल खाची ने प्रदेश में सड़कों से ब्लैक स्पाॅट्स हटाने से संबंधित आज यहां आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, सीमा सड़क संगठन और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।इस अवसर पर मुख्य सचिव ने सड़क निर्माण से संबंधित सभी एजैंसियों को प्रदेश में सड़कों पर ब्लैैक स्पाॅट्स हटाने केे निर्देश दिए ताकि इनके कारण संभावित दुर्घटनाओं को टाला जा सके। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान ब्लैक स्पाॅट्स की संभावनाओं को समाप्त करने के लिए अभियांत्रिकी में सुधार लाया जाना चाहिए। ब्लैक स्पाॅट्स को लेकर सभी फील्ड एजेंसियों को भी संवेदनशील बनाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान निष्पादन एजैंसियों को कार्य का समुचित निरीक्षण भी सुनिश्चित करना चाहिए. अनिल खाची ने कहा कि प्रदेश के राज्यत्व के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले स्वर्णिम हिमाचल कार्यक्रमों में सड़क सुरक्षा थीम भी लिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को इससे संबंधित कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए. बैठक में प्रधान सचिव परिवहन के.के. पंत, निदेशक परिवहन अनुपम कश्यप और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


















































