कांगड़ा जिला के सभी स्कूलों का आपदा प्रबंधन प्लान तैयार किया जाएगा ताकि इसे स्कूल सेफ्टी मोबाइल ऐप पर अपलोड किया जा सके। इस बाबत शनिवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से धर्मशाला में मिनी सचिवालय के सभागार में खंड प्रारभिक शिक्षा अधिकारियों तथा विद्यालयों के नोडल अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला भी आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए एडीएम रोहित राठौर ने कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एक व्यापक स्कूल आपदा प्रबंधन योजना तैयार करने में स्कूलों की सहायता के लिए एक मोबाइल एप्लिकेशन तैयार की है इस ऐप के माध्यम से स्कूल आपदा प्रबंधन की योजना बना सकेंगे और उसी के अनुरूप मॉकड्रिल का आयोजन कर सकेंगे, जिसकी निगरानी उच्च स्तर पर भी आसानी से की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि आपदा की दृष्टि से विद्यालय अति संवेदनशील जगह होती है जहां पर एक साथ सैकड़ों बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं इसलिए विद्यालयों का आपदा प्रबंधन प्लान तैयार करना अत्यंत जरूरी है इसी के दृष्टिगत आपदा को लेकर विद्यार्थियों को भी जागरूक किया जाएगा ताकि विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में भी आपदा प्रबंधन को लेकर लोगों तक जानकारी पहुंचाई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन प्लान को एक माह के भीतर मोबाइल ऐप पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के समन्वयक भानु शर्मा ने कार्यशाला को लेकर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारियों को आपदा प्रबंधन प्लान तैयार करने तथा उसे स्कूल सेफ्टी मोबाइल ऐप पर अपलोड करने का एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया है। नोडल अधिकारी स्कूलों में अन्य प्राधिकृत शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे ताकि सभी स्कूलों का आपदा प्रबंधन प्लान तैयार किया जा सके। इसके साथ बच्चों को भी स्कूल सेफ्टी ऐप के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी।
-कांगड़ा तथा शाहपुर के एसडीएम को जमीन का संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश कांगड़ा जिला के उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण से प्रभावित होने वाले परिवारों के पुनर्वास के लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए एसडीएम कांगड़ा तथा एसडीएम शाहपुर जमीन की ज्वाइंट इंस्पेक्शन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों का व्यवस्थित तरीके से पुनर्वास हो सके। इस बाबत शुक्रवार को उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय परिसर के सभागार में एक आवश्यक बैठक भी आयोजित की गई। इस बैठक में उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों के 22 के करीब भवन तथा अन्य आधारभूत ढांचे जिसमें सड़कें, पेयजल पाइप लाइन, विद्युत ट्रासफार्मर भी विस्तारीकरण क्षेत्र में आ रहे हैं तथा विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इन आधारभूत ढांचों को आवश्यकतानुसार नई जगह पर तैयार करने के लिए वैकल्पिक प्लान भी तैयार करें, ताकि प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के पुनवार्सित करने की जगह पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी सुनिश्चित किया जाएगा। विस्तारीकरण की जद में आने वाले स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, पशु औषधालयों तथा पंचायत घरों की रिपोर्ट भी तैयार की गई है तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को इस बाबत जानकारी दे दी गई है ताकि आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि प्रभावितों के पुनर्वास के लिए भूमि का निरीक्षण करने के पश्चात सभी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए हिमुडा को डिटेल मैप तैयार करने तथा के निर्देश दिए गए हैं। गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण में आठ पंचायतों के 14 राजस्व गांवों की भूमि अधिग्रहित करना प्रस्तावित है इसमें राजस्व गांव रच्छियालु, जुगेहड़, भड़ोल, कयोडिय़ा, बाग, बल्ला, बरसवालकड़, भेड़ी, ढुगियारी खास, गगल खास, झिकली इच्छी, मुगरहाद, सहौड़ा, सनौरा शामिल हैं। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि भूमि अधिग्रहण को लेकर भवनों, फलदार पौधों, पेंड़ों तथा फसलों का मूल्यांकन कार्य अंतिम चरण में है इसमें आउटसोर्स एजेंसी के साथ साथ राजस्व, उद्यान, वन तथा कृषि विभाग के कर्मचारी भी शामिल रहे हैं मूल्यांकन कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों के सामाजिक हित किसी भी स्तर पर प्रभावित नहीं हों इस के लिए सामाजिक सर्वेक्षण भी करवाया गया है।
राजकीय महाविद्यालय देहरा में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन एक रंगारंग कार्यक्रम के साथ हुआ। पिछले सत्र 2023-24 में इस महाविद्यालय को एनएसएस की आधी इकाई की स्वीकृति मिली थी। सप्त दिवसीय शिविर के समापन समारोह में महाविद्यालय प्रचार्य डॉ. रविंदर सिंह गिल बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर समापन समारोह का शुभारंभ किया। इस शिविर में महाविद्यालय के 25 स्वयंसेवियों ने भाग लिया, जिनमें 5 लड़के व 20 लड़कियां शामिल थे। राष्ट्रीय सेवा योजना की देहरा के कार्यक्रम अधिकारी प्रो परवीन कुमार ने सात दिनों में करवाई गई विभिन्न गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कार्यक्रम अधिकारी तथा स्वयसेवियों को सफलतापूर्वक सात दिवसीय शिविर पूरा करने पर बधाई दी। श्रुति ने एनएसएस गीत, शिखा ने देश भक्ति नृत्य व पहाड़ी गीत मुस्कान ग्रुप ने प्रस्तुत किया। स्वंयसेवी रुपाली और पूनम ने सात दिवसीय कैंप में सीखी बातों को सबके समक्ष रखा। अंत में स्वयंसेवियों ने स्वच्छता नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया।
देहरा। राजकीय महाविद्यालय ढलियारा स्वर्ण जयंती समारोह के दूसरे दिन केंद्रीय छात्र परिषद द्वारा नवरंग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कॉलेज प्राचार्य सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। इस अंतर विभागीय कार्यक्रम में नौ अलग-अलग प्रतिस्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई और अपने विभाग के लिए मेडल हासिल किये। उल्लेखनीय है कि ढलियारा कॉलेज अपने स्वर्ण जयंती समारोह मना रहा है और दो दिवसीय कार्यक्रम में पहले दिन संस्थापक सदस्य, पूर्व प्रिंसिपल, पूर्व प्राधयापक, पूर्व छात्र उपस्थित रहे थे और उन्होंने अपने अनुभव मंच से साझा किये थे। इसी कड़ी में शुक्रवार को दूसरे दिन एकल गान, एकल नृत्य, कविता पाठ, ग्रुप नृत्य, माइम एवं स्किट में अपनी अपनी टीम ने हिस्सा लिया। इस दौरान कॉलेज प्राचार्य डॉ. अंजू आर चौहान ने मंच से छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपनी संस्कृति को बढ़ावा देना चाहिए और कॉलेज प्रशासन इसके लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम करता है और इसी कड़ी में कॉलेज में एक विशेष बोर्ड भी लगाया गया है, जो हमारी संस्कृति को बढ़ावा दे रहा है। ये रहे विजेता ग्रुप डांस में बीए प्रथम ने पहला, बीबीए द्वितीय ने दूसरा एवं बीसीए ने तृतीय स्थान हासिल किया तथा फेंसी ड्रेस में मुस्कान ने प्रथम एवं जेसमीन ने द्वितीय स्थान हासिल किया, एकल गान में विवेक कुमार ने प्रथम एवं काजल ने द्वितीय स्थान हासिल किया, एकल गान गीत गजल में निखिल ने प्रथम स्थान एवं दीक्षा ने दूसरा स्थान हासिल किया, एकल इंस्ट्रुमेंटल में बलजिंदर सिंह ने प्रथम एवं ललित ने दूसरा स्थान हासिल किया एवं काव्य पाठ में आवृति ने प्रथम एवं दीपक शर्मा ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दीणी लारथ में आज वार्षिक उत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें स्कूल के प्रिंसिपल देवेेंद्र कुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, वहीं मुख्य अतिथि के रूप में इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन उपस्थित रहे। स्कूल प्रिंसिपल देवेंद्र कुमार व समस्त अध्यापकों तथा छात्रों ने आए हुए सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत किया। इस अवसर पर स्कूल के नन्हे बच्चों द्वारा अतिथियों के लिए विशेष स्वागत गीत का मंचन किया गया। इसके बाद छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया और सभी का दिल जीत लिया। वहीं, मुख्य अतिथि ने कहा कि इस कार्यक्रम को देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई। विद्यालय के प्रत्येक छात्र ने मंच पर अनेक राज्यों की वेशभूषा तथा ऐतिहासिक नृत्य शैली प्रस्तुत की और सभी के दिलों को जीत लिया। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया, प्रधान भोपाल कटोच, कर्ण सिंह,मनोहर पिंकी, किरण बाला, एसडीओ पीडब्ल्यूडी सिकंदर सिंह, बीडीओ इंदौरा सुदर्शन सिंह इत्यादि उपस्थित रहे।
राजकीय महाविद्यालय रक्कड़ में केंद्रीय छात्र परिषद की तरफ से सांस्कृतिक कार्यक्रम 'उत्साह' का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज सूद ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. रमन शर्मा रहे। छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ इस तरह के सांस्कृतिक गतिविधियों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। यहां पर बच्चों ने बहुत ही अच्छी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रबंधन बच्चों को मंच मुहैया करवाने के लिए हर संभव प्रयास करता है। आज की युवा पीढ़ी को अगर नशे से दूर रहना है तो पढ़ाई, खेलकूद और हुनर को निखारने पर ध्यान देना होगा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। केंद्रीय छात्र परिषद द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कविता पाठ में प्रथम स्थान पर कशिश बीए द्वितीय वर्ष से, दूसरे स्थान पर दिव्यांशी बीकॉम प्रथम वर्ष से तथा शैलजा बीए द्वितीय वर्ष से तीसरे स्थान पर रहीं। एकल गान में सिमरन बीए प्रथम वर्ष से प्रथम, दूसरे स्थान पर शिल्पा बीए द्वितीय वर्ष से तथा प्रिंयका बीकॉम द्वितीय वर्ष से तीसरे स्थान पर रहीं। युगल नृत्य में सानिया और नेहा प्रथम स्थान पर, दूसरे स्थान पर कनिका और प्रीति और तीसरे स्थान पर प्रीतिका और खुशबू रहीं। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय शिक्षक वर्ग से प्रो. विकास, डॉ. सुषमा, डॉ. जसपाल, प्रो. रविंद्र, प्रो. मीना, प्रो. शैलजा तथा प्रो. श्वेता कोहली तथा गैर शिक्षक वर्ग से अधीक्षक सत्यकाम, पीटीए प्रधान तथा पीटीए सदस्य मौजूद रहे।
महाविद्यालय ज्वालाजी में आयोजित दो दिवसीय एथलेटिक मीट का आज समापन हो गया। समापन पर मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार बस्सी ने शिरकत की। मीट में कार्यक्रम प्रभारी डॉ. विशाल ठाकुर द्वारा विभिन्न प्रकार के इवेंट करवाए गए। लड़कियों में शिया जैसवाल और लड़कों में अखिल ने बेस्ट एथलीट का खिताब अपने नाम किया। वहीं, लड़कों की 100 मीटर रेस में साहिल राणा प्रथम, अभय सिंह द्वितीय और आर्यन डोगरा तृतीय स्थान पर रहे। लड़कियों में प्रथम स्थान पर मीनाक्षी, द्वितीय स्थान पर सिया और तृतीय स्थान पर अंजू वाला रही। 200 मीटर रेस लड़कों में प्रथम स्थान पर साहिल, द्वितीय स्थान पर वरुण और तृतीय स्थान पर मोहित रहे। 200 मीटर रेस लड़कियों में प्रथम स्थान पर सिया जसवाल, द्वितीय स्थान पर अंजू बाला और तृतीय स्थान पर शाल्वी रही। 400 मीटर लड़कों की रेस में प्रथम स्थान पर आर्यन, शुभम, साहिल, मोहित द्वितीय स्थान पर अंकित, वरुण, शाहिद, निशीकांत और तृतीय स्थान पर अखिल, शुभम, विकास और प्रवेश रहे। शॉट पुट लड़कियों में प्रथम स्थान पर रितु द्वितीय स्थान पर दीक्षा तृतीय स्थान पर शाल्वी रही । शॉट पुट लड़कों में प्रथम स्थान पर अखिल द्वितीय स्थान पर निखिल तृतीय स्थान पर अभय रहे। लॉन्ग जंप लड़कियों में प्रथम स्थान पर शाल्वी द्वितीय स्थान पर रितिका तृतीय स्थान पर रितु रही। लॉन्ग जंप लड़कों में प्रथम स्थान पर आर्यन डोगरा द्वितीय स्थान पर शुभम शर्मा और तृतीय स्थान पर अखिल रहे। हाई जंप लड़कियों में प्रथम स्थान पर सिया जसवाल द्वितीय स्थान पर रितु और तृतीय स्थान पर निकिता रही। हाई जंप लड़कों में प्रथम स्थान पर अखिल द्वितीय स्थान पर शुभम शर्मा और तृतीय स्थान पर गुलाम दीन रहे। जैवलिन थ्रो लड़कों में प्रथम स्थान पर सूर्यांश द्वितीय स्थान पर चेतन व तृतीय स्थान पर आर्यन डोगरा रहे।
-कॉलेज में एनएसएस के सात दिवसीय शिविर का समापन कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में आज राष्ट्रीय सेवा योजना के द्वारा सात दिवसीय शिविर का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम संजीव ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस सात दिवसीय शिविर का आयोजन 23 दिसंबर से 29 दिसंबर तक राष्ट्रीय सेवा योजना के संयोजक प्रो. विकास कलोत्रा के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. किरण के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने छात्रों को संबोधित करते हुए जीवन और शिक्षा के हर पहलू और कारक को विस्तारपूर्वक साझा किया। उन्होंने छात्रों के साथ-साथ महाविद्यालय के सभी उपस्थित शिक्षक वर्ग को भी इस ज्ञानवर्धक चर्चा-परिचर्चा में शामिल किया। शिविर के समापन पर छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। तत्पश्चात छात्रों ने अपने सात दिवसीय शिविर के अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सुरजीत सिंह राणा व महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक वर्ग ने मुख्य अतिथि को सामृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
ज्वालामुखी उप मंडल के तहत ग्राम पंचायत पीहड़ी में स्वामी विवेकानंद अस्पताल पालमपुर के सौजन्य से फ्री मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इसमें ईएनटी, ऑर्थो, पीलिया आदि की जांच की गई। कैंप में लगभग 350 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। इसमें डॉक्टर सोनाली यादव, डॉक्टर मानव गुप्ता, डॉक्टर मेघना, डॉक्टर अजय आदित्य ने लोगों की जांच की और मुफ्त में दवाएं दीं। शिविर में पंचायत प्रधान विक्रम सिंह व उप प्रधान सुरजीत सिंह ने लोगों को बैठने व चाय पानी की सुविधा उपलब्ध करवाई। प्रधान विक्रम सिंह ने कैंप लगाने के लिए स्वामी विवेकानंद अस्पताल के कर्मचारियों का धन्यवाद किया।
-शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचे अधिकारी -कहा, पहले लेबर न होने के कारण नहीं हुई थी पेड़ों की शिलाई -लेबर मिलने पर ठेकेदार द्वारा अब करवाया जा रहा यह काम विधानसभा क्षेत्र इंदौरा के अंतर्गत ठिठोली गांव के लकड़ी के ठेकेदार सुरिंदर कुमार के खिलाफ वन विभाग को शिकायत मिली थी कि उन्होंने बिना अनुमति के लाखों रुपये के खैर के सैकड़ों पेड़ों को काट दिया है। शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई करते हुए वन विभाग के रेंज ऑफिसर अभिनव ठाकुर मौके पर जायजा लेने पहुंचे। रेंज अधिकारी ने बताया कि ठेकेदार के पास खैर की लकड़ी को डंप करने की परमिशन है, जो कि डीएफओ द्वारा दी गई है। ठेकेदार के पास लेबर न होने के चलते पेड़ों की शिलाई नहीं हो पाई थी। अब लेबर मिलने पर ठेकेदार द्वारा शिलाई करवाई जा रही है। ठेकेदार ने अनुमति लेकर ही पेड़ों की कटाई-शिलाई की है।
विकास एवं चेतना मंच ज्वालामुखी की बैठक शुक्रवार को ज्वालामुखी में आयोजित की गई। इसमें नई कार्यकारिणी का गठन कर विधायक संजय रत्न को सर्वसम्मति से मुख्य सचेतक, संयोजक फतेह सिंह, प्रीतम चंद शर्मा, सलाहकार राष्ट्रपति अवॉर्डी पूर्व शिक्षा बोर्ड सदस्य सत्य पाल शर्मा, सुखदेव सिंह परमार, एसएस चंबयाल, अध्यक्ष ओपी वशिष्ठ, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि दत्ता, उपाध्यक्ष प्रताप सिंह राणा, होशियार सिंह, अजय कुमार, राजिंद्र राणा, निर्मला राणा, सीमा देवी, महासचिव वीरेंद्र कुमार, सयुंक्त सचिव त्रिलोक ठाकुर, आशु शर्मा, कोषाध्यक्ष अशोक शर्मा, सह कोषाध्यक्ष प्रवीण शास्त्री, लेखाकार गीजिंद्र चौहान, मोहिंद्र धीमान, कानूनी सलाहकार मोहिंद्र कुमार, मुकुल शर्मा जनसंपर्क सतीश शर्मा, समाज सेवक डॉ. सुखदेव शर्मा, कुलदीप धीमान, कै. जगत राम, मदनलाल, अवीनेंद्र शर्मा, वीरेंद्र सूद को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। बैठक में निर्णय लिय गया कि मकर संक्रांति के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी लोहड़ी मनाने के लिए रविवार को बैठक नर्मदा होटल में आयोजित की जाएगी, जिसमें विधायक संजय रत्न मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस बैठक में सभी नए पुराने आजीवन सदस्य बुलाए गए हैं।
कांगड़ा जिले में पौंग झील के किनारे बसे लोगों के लिए केंद्र की ओर से राहत भरी खबर आई है। झील किनारे बसे लोगों और स्टेक होल्डर्स की मांग को देखते हुए डैम किनारे बसे गांवों को ईको सेंसेटिव जोन में डालने की प्रक्रिया को तुरंत प्रभाव से लंबित कर दिया गया है। इसकी जानकारी वीरवार को केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने दी। भोटा में पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी विक्रम ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने भी उनसे इस विषय पर बात की थी। जिस पर उन्होंने तुरंत केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को पूरी बात बताई और उन्होंने तुरंत प्रभाव से इन गांवों को ईको सेंसेटिव जोन में डालने की प्रक्रिया को लंबित कर दिया है और साथ में यह भी कहा है की स्थानीय जनता व वहां के स्टेक होल्डर्ज के साथ बातचीत करके और इस विषय में और जानकारी जुटाकर ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
-डायरेक्टर ज्योति सौगुनी व प्रिंसिपल कुमुद शर्मा ने की अध्यक्षता -विधायक रणवीर सिंह निक्का रहे कार्यक्रम में मुख्यातिथि गुरुकुल पब्लिक स्कूल सदवां में आज वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता स्कूल डायरेक्टर ज्योति सौगुनी व प्रिंसिपल कुमुद शर्मा ने की। वहीं, मुख्य अतिथि के रूप में नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का उपस्थित रहे। प्रिंसिपल कुमुद शर्मा, समस्त अध्यापकों एवं छात्रों ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का भव्य स्वागत किया। वहीं, नन्हे बच्चों द्वारा अतिथियों के लिए विशेष स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसके बाद समारोह में स्कूल के छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों व अन्य लोगों का खूब मनोरंजन किया। वहीं, मुख्य अतिथि ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने के लिए बच्चों की तारीफ की। इस दौरान स्कूल डायरेक्टर ज्योति सौगुनी ने बताया कि अच्छी शिक्षा एवं संस्कार ही जीवन को एक नया रूप देते हैं। हमें समाज को शिक्षित एवं संस्कारी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से ही बच्चों में छुपी हुई प्रतिभा सामने आती है। समारोह में स्कूल की कार्यकारिणी सभा द्वारा स्कूल में अनेकों वर्षों से कार्य करने वाले सदस्यों को सम्मानित भी किया गया, जिसमें ग्राम पंचायत सदवां के प्रधान पवन कुमार, बीडीसी सदस्य लदोडी रीता पठानिया, सदवां पंचायत के सचिव सुरजीत सिंह आदि शामिल रहे। अंत में स्कूल के डायरेक्टर ज्योति सौगुनी ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का धन्यावाद किया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशिर्वाद दिया।
उप मंडल देहरा के अंतर्गत लॉरेंस पब्लिक स्कूल गुलेर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर बतौर मुख्यातिथि सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. सुकृत सागर ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रबंधक मनोज गुलेरिया ने की तथा मंच का संचालन स्कूल की एमडी मधु गुलेरिया ने किया। समारोह में पधारने पर स्कूल प्रबंधन की ओर से मुख्यातिथि का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यातिथि ने द्वीप प्रज्वलित कर की तथा स्कूली छात्राओं ने सरस्वती बंदना की प्रस्तुति दी। उसके बाद गणेश वंदना से पहली प्रस्तुति छठी कक्षा के छात्रों शुरुआत की। समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने नाटी, गिद्दा, हरियाणवी डांस, गणेश वंदना, छम छम, मैं निकला गाड़ी ले के, चिट्टा मुर्गा, पर्यावरण संरक्षण पर लघु नाटक की प्रस्तुतियां दी। विद्यार्थियों की इन शानदार प्रस्तुतियों ने पंडाल में उपस्थित दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। देशभक्ति पर आधरित एक कार्यक्रम की प्रस्तुति पर सभी की आंखें नम हो गयी। स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज गुलेरिया ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी, जिसमें स्कूल की वार्षिक शैक्षणिक व अन्य गतिविधियों को सबके समक्ष रखा। इस मौके पर मुख्यातिथि ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किये। मुख्यातिथि ने बच्चों को हमेशा सच्चाई की राह पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए उनसे आह्वान किया कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए किसी भी प्रकार का शॉर्टकट न अपनाए। इस मौके पर स्कूल प्रबंधक ने मुख्यातिथि व कार्यक्रम में आए हुए अभिभावकों का धन्यवाद व्यक्त किया। कार्यक्रम में व्यापार मंडल हरिपुर प्रेसीडेंट अतुल महाजन, डॉक्टर योगेश रैना, डॉक्टर अरविंद व अन्य मौजूद रहे।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में आज दिनांक राष्ट्रीय सेवा योजना के द्वारा सात दिवसीय शिविर के आज छठे दिन में राष्ट्रीय सेवा योजना के सभी छात्रों को सुबह 6 बजे प्रभात फेरी के लिए प्रोफेसर रजनी के नेतृत्व में जयसिंहपुर के नजदीकी गांव डलू में ले जाया गया। तत्पश्चात इस इकाई के द्वारा जयसिंहपुर मैदान की अच्छी तह साफ-सफाई की गई। स्वच्छता के प्रति संदेश फैलाने के लिए पूरी जयसिंहपुर बाजार में रैली निकाली गई। इस रैली में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा इकाई के संयोजक प्रो विकास कलोत्रा व स्थानीय एसडीएम, स्थानीय प्रधान, उपप्रधान, महाविद्यालय के वरिष्ठ प्रो. रविंद्र कुमार, रणजीत, गगनदीप भी मौजूद रहे। इस रैली के बाद एसडीएम ने अपने संबोधन में कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को मैदान में कूड़ा-कचरा फेंकते हुए पाया गया तो उन्हें दंडित किया जाएगा और 500 रुपये जुर्माना लिया जाएगा।
जसवां-परागपुर से कांग्रेस नेता व कर्मचारी कल्याण बोर्ड पूर्व के उपाध्यक्ष सुरिंदर मनकोटिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रक्कड़ के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। विद्यालय पहुंचने पर स्कूल स्टाफ द्वारा मुख्यातिथि का भव्य स्वागत किया गया। समारोह में मनकोटिया द्वारा मेधावी छात्रों को टैबलेट वितरित किए गए। अपने संबोधन में मनकोटिया ने छात्रों को वार्षिक परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं वहीं, छात्रों के लिए प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही ऋण योजना के बारे में भी बताया कि छात्र मात्र एक प्रतिशत ब्याज दर पर शिक्षा ऋण ले सकते हैं। मुख्यातिथि ने कहा कि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ हर मंच पर बोलना सीख जाते हैं, इंग्लिश बोलना सीखते हंै, अच्छी आदतों पर काम करते हैं, महान लोगों की जीवनी एवं प्रेरक पुस्तकें पढ़कर अपनी जीवनशैली में परिवर्तन करते हैं तो वे महत्वपूर्ण बनने का प्रयास कर रहे हैं। आज इस विद्यालय में कुछ विद्यार्थी सम्मानित हुए हैं तो कहीं न कहीं उनमें अनूठी प्रतिभा है। केवल शिक्षा, पढ़ाई से आप एक अच्छे पद को प्राप्त करके या व्यापार में अच्छे पैकेज को पाकर अपनी जीविका के लक्ष्य को पूरा करते हो, मगर रचनात्मक गतिविधियों से जीवन जीने की कला का लक्ष्य पूरा होता है पढ़ाई के साथ साथ रचनात्मक कार्य करके हम बहुमुखी प्रतिभा के धनी हो जाते हैं। उन्हानें कहा कि उन्हें विश्वास है कि आप बहुमुखी प्रतिभा के दम पर खुद को साबित करेंगे और समाज को उज्ज्वल बनाएंगे।
जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रक्कड़ में गुरुवार को कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र मनकोटिया की अध्यक्षता में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पार्टी का 139वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर मनकोटिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की स्थापना 28 दिसंबर, 1885 में की गई थी। कांग्रेस पार्टी में देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू बने थे। इसके उपरांत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कांग्रेस पार्टी को आगे बढ़ाया। इस अवसर पर खादी बोर्ड के निदेशक सुदर्शन सिंह, मुल्तान सिंह, प्रदेश कांग्रेस किसान मोर्चा के सचिव वीरेंद्र ठाकुर, प्रधान पंचायत कुड़ना रेणु शर्मा, एडवोकेट गोपाल शर्मा, ममता कटवाल, अंजना शर्मा आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बाबा कांशी राम राजकीय महाविद्यालय डाडासीबा की एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर के छठे दिन स्थानीय पुलिस चौकी से सब इंस्पेक्टर किशोर चंद ने रिसोर्स पर्सन के तौर पर शिरकत की। कार्यक्रम में आने पर एनएसएस अधिकारी प्रो. खेम चंद ने उनका स्वागत किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए किशोर चंद ने कहा कि हमें इस तकनीकी युग में नई-नई तकनीकों को सावधानीपूर्वक इस्तेमाल में लाना चाहिए और उनकी पूरी जानकारी हासिल करनी चाहिए, ताकि किसी भी तरह की ऑनलाइन ठगी से बचा जा सके। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, यातायात के नियमों का पालन करने और एक जिम्मेवार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। तत्पश्चात महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. जतिंदर कुमार ने रिसोर्स पर्सन को स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया।
-कॉलेज के प्रथम प्राचार्य बीएस पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत -कॉलेज की स्थापना में अहम भूमिका निभाने वाले मास्टर हरी राम के वंशज भी रहे उपस्थित राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ढलियारा में वीरवार को स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कॉलेज के प्रथम प्राचार्य बीएस पठानिया बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। इस कॉलेज को बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले मास्टर हरी राम के वंशज आईपी सिंह भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इससे पहले 1998 में कॉलेज की सिल्वर जुबली भी मनाई गयी थी। आज मनाए गए स्वर्ण जयंती कार्यक्रम में भारी संख्या में संस्थापक सदस्य, प्रिंसिपल एवं पूर्व प्राध्यापक सहित पूर्व छात्र उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि 1973 में अस्तित्व में आए ढलियारा कॉलेज का 1984 में सरकार ने अधिग्रहण कर लिया और बीएस पठानियाप्रथम प्रिंसिपल तैनात हुए। ढलियारा कॉलेज ने पिछले पचास वर्ष में सफलता की बुलंदियां छुयी हैं। कार्यक्रम में हिमाचल के कॉमेडियन प्रिंस गर्ग ने भी लोगों को खूब हंसाया। इस दौरान कॉलेज के पूर्व प्राचार्यों एवं पूर्व प्राध्यापकों ने अपने अनुभव साझा किए। वहीं, मुख्यातिथि ने बताया कि कॉलेज को शुरू करने में क्या-क्या समस्याएं आईं और कैसे स्थानीय लोगों के समर्थन से कॉलेज शुरू किया जा सका। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज का पचास वर्ष का कार्यकाल स्वर्णिम रहा है। इस कार्यक्रम में बीएस पठनीया, आईपी सिंह, पीटीए प्रधान सुतिंदर महंत, पूर्व प्रध्यापक एवं प्राचार्य पीसी डडवाल, एलआर डडवाल, एमडी शर्मा, एमएल शर्मा, नीना शर्मा, एसडी शर्मा, चंद्ररेखा, डॉ. रक्षपाल जिंदल, डॉ. वीणा गौतम, डॉ. सुल्तान जसवाल, विजय कुमारी, कांती सूद,जेएस. सिपहिया, एसएस सिपहिया, डॉ. वनिता, जेएस डडवाल, अशोक, डॉ. सुनीता शर्मा, सुर्म चांद प्रवीण राणा, प्रवीण शर्मा, सुनील राणा, जय चंद, हर्षित पटियाल, सुरजीत ठाकुर, गगन सिंह गुलेरिया, नेहा राजपूत, निर्मल सूरी, सुमन शर्मा, सुलतान सिंह जसवाल, डॉ. सुरेंद्र कुमार, वीरेंद्र डडवाल, आईपी सिंह, कमल कांत, सरूप सिंह, प्रिंस गर्ग, मुकेश पंडित, सतपाल, सहित विभिन्न वशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
-कॉलेज में किया गया एनुअल एथलेटिक मीट का आयोजन वजीर राम सिंह डिग्री कॉलेज देहरी में एनुअल एथलेटिक मीट का आयोजन किया गया। इस मीट का आयोजन शारीरिक शिक्षा विभाग की तरफ से किया गया। इस मौके पर एसोसिएट प्रोफेसर सपना बख्शी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए बताया कि किस प्रकार से खेलों के माध्यम से नशे से दूर रहा जा सकता है और खेलों के क्षेत्र में भविष्य बनाया जा सकता है। वहीं शारीरिक शिक्षा विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर देवेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं को करवाने का मुख्य उद्देश्य प्रतिभा की पहचान करना और व्यक्तित्व विकास करना है। एनुअल एथलेटिक मीट प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का खिताब नीतिका को दिया गया और पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब विकास को दिया गया। इस अवसर पर वजीर राम सिंह डिग्री कॉलेज देहरी का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और मुख्य अतिथि द्वारा समस्त विजय खिलाड़ियों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
-पार्टी के संगठनों के पदाधिकारियों ने विधायक सुधीर शर्मा के गिनाए काम धर्मशाला कांग्रेस ने पार्टी का 139वां स्थापना दिवस दाड़ी ऑफिस में मनाया। वीरवार को दाड़ी में पार्टी के सभी संगठनों के पदाधिकारी जुटे और उन्होंने एकजुटता से कांग्रेस को आगे ले जाने का संकल्प लिया। इस दौरान सभी वक्ताओं ने कांग्रेस के सिद्धांतों पर आगे चलने का संकल्प लिया। वर्कर्ज ने पूर्व में रहे सभी अध्यक्षों को याद किया। उसके बाद कांगे्रस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा द्वारा एक साल में किए गए कार्यों का लेखा-जोखा दिया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में धर्मशाला में स्मार्ट सिटी के कार्यों को ठप रखा गया था। सुधीर शर्मा के आते ही इन कार्यों ने फिर जोर पकड़ लिया है। अब सभी प्रोजेक्टों पर तेजी से काम हो रहा है। नगर निगम में कार्यों को स्पीडअप किया गया है। इसी तरह भाजपा राज में ठप पड़े धर्मशाला-पास्सू रोड को बहाल किया गया है। यह रोड 12 जुलाई 2021 की बाढ़ में बहा था। इस रोड किनारे पास्सू में पुल भी बहा था, जिसे सुधीर शर्मा बहाल कर दिया है। निचले पास्सू में एक पुल बन रहा है, तो ढगवार को मसरेहड़ से जोड़ने के लिए सड़क बन रही है। धर्मशाला हलके की दर्जन भर से ज्यादा पंचायतों में प्ले ग्राउंड बनाए जा रहे हैं। धर्मशाला के हलके दुर्गम इलाकों का लिंक रोड से जोड़ा जा रहा है। आपदा प्रबंधन के काम तेज किए जा रहे हैं। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस के तमाम पदाधिकारियों ने शपथ ली कि वे आमजन की आवाज को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व विधायक सुधीर शर्मा के जरिए सरकार तक पहुंचाएंगे तथा सभी की मांगों को पूरा करवाएंगे। इस अवसर पर ब्लॉक उपाध्यक्ष सरवन थापा, कांग्रेस सेवादल सोशल मीडिया संयोजक विक्रमजीत शर्मा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुनीश माटा, बीडीसी उपाध्यक्ष विपन डोगरा, जिला परिषद सदस्य व महिला कांग्रेस अध्यक्ष निशा चौधरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार कश्यप ने भी संबोधित किया। इस बैठक मेंबैठक में ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, युवा इंटक, सेवादल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जनकल्याण है पार्टी का उद्देश्य ब्लॉक उपाध्यक्ष सरवन थापा, कांग्रेस सेवादल सोशल मीडिया संयोजक विक्रमजीत शर्मा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मुनीश माटा ने कहा कि कांग्रेस आज अपना 139वां स्थापना दिवस मना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भारत निर्माण की दिशा में काम किया है और यह पार्टी संसदीय लोकतंत्र और समानता पर आधारित है। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का उद्देश्य जनता का कल्याण और देश के लोगों की प्रगति है। कांग्रेस, संसदीय लोकतंत्र पर आधारित भारत में विश्वास रखती है, जहां बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए समान अवसर मौजूद हों। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसा देश बनाना चाहती है, जहां संविधान में मौजूद राजनीतिक, सामाजिक अधिकारों का पालन किया जाए।
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक लोअर लंबागांव द्वारा वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन माता आशापुरी मंदिर में किया गया, जिसमें बैंक की सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई। शाखा प्रबंधक कुलदीप शर्मा व लिपिक कमल ने किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूह सहित साइबर क्राइम व ऑनलाइन ठगी से बचने तथा बैंक लोन की जानकारी दी। इस अवसर पर नरेंद्र डोगरा, राधा देवी सलोचना, मंलका देवी, देया देवी निर्मला देवी समस्या देवी रीना देवी मीना देवी कामना देवी एवं रीता के साथ अन्य महिलाएं भी उपस्थित रहीं।
राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर के नए प्राचार्य प्रोफेसर उपेेंद्र शर्मा ने प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार के तबादले के बाद बुधवार को पदभार संभाल लिया है। पदभार संभलने के बाद नए प्राचार्य ने कहा कि महाविद्यालय में बेचुलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन एवं पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशंस जैसे रोजगारोन्मुखी कोर्सिज को आगामी सत्र से प्रारंभ करने का पूरा प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के बच्चों को इनकी पढ़ाई के लिए बाहर न जाना पड़े। शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक दोनों तरह की गतिविधियों में उत्कृष्टता प्राप्त करने का ध्येय लेकर हम आगे बढ़ेंगे।
-समारोह में स्थानीय विधायक होशियार सिंह रहे मुख्यातिथि उप मंडल देहरा के तहत डीसीएस लोअर सुनहेत में वीरवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में देहरा विधायक होशियार सिंह मुख्यातिथि व डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। स्कूल के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रवीण राजपूत द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत व अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें विभिन्न राज्यों के कल्चर को प्रोमोट किया गया। सबसे पहले नौवीं और दसवीं कक्षा की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी गई। इसके उपरांत आठवीं कक्षा के छात्रों द्वारा गणेश वंदना की प्रस्तुति पेश की। वहीं तीसरी कक्षा के छात्रों द्वारा जोकर डांस, चौथी के छात्रों द्वारा आर्मी सांग पर नाच, सातवीं कक्षा द्वारा माइम शो तदोपरांत हिमाचली नाटी, हरियाणा का लोक नाच, पंजाब का गिद्दा, जम्मू का डोगरी, उत्तराखंड का शरारा सहित अन्य राज्यों की मनमोहक प्रस्तुति स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा दी गई। विद्यार्थियों की हिमाचली नाटी ने वहां उपस्थित जनता का दिल मोह लिया। स्कूल की प्रधानाचार्य गुंजन परमार द्वारा विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़कर सुनाई गई। वहीं, जनता को संबोधित करते हुए विधायक होशियार सिंह स्कूल प्रबंधन की तारीफ करते हुए भूरि-भूरि प्रशंसा की। विधायक ने कहा कि स्कूल का एनुअल डे हर एक छात्र के लिए खास दिन होता है, जहां बच्चे सीखने के साथ सिखाते भी हंै। बच्चों के लिए यह सबसे बेहतरीन मंच हैं। कार्यक्रम में दिल्ली कान्वेंट स्कूल ज्वालामुखी के प्रधानाचार्य सुरेश शर्मा, सुरानी से निशित शर्मा, अंब से रश्मि राजपूत सहित ग्राम पंचायत लोअर सुनहेत प्रधान आशा कुमारी, उप प्रधान विनोद कुमार, पूर्व प्रधान अविनाश धीमान टीटू, स्कूल एसएमसी प्रधान मीना शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।
-डिप्टी सीएम ने आवंटन राशि को घटाकर 376 करोड़ करने पर जताया ऐतराज -दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री शेखावत से की हिमाचल के प्रोजेक्टों की वकालत हिमाचल के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से उनके आवास पर मुलाकात की। अग्निहोत्री ने केंद्रीय मंत्री से राज्य में हाल ही में आई भारी प्राकृतिक आपदा के मद्देनजर हिमाचल की मदद के लिए उदारता से हाथ बढ़ाने का आग्रह किया। अग्निहोत्री ने केंद्रीय मंत्री को जानकारी दी कि अनुमोदित वार्षिक कार्य योजना 2023-24 के अनुसार जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत हिमाचल के लिए आवंटन राशि 1274 करोड़ रुपये है, जिसे केंद्र सरकार द्वारा घटाकर 376 करोड़ रुपये कर दिया गया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि हिमाचल की गंभीर स्थिति को ध्यान में रखते हुए इसकी वार्षिक कार्य योजना को 1274 करोड़ रुपये की राशि बहाल की जाए। उन्होंने कहा कि 376 करोड़ रुपये के आवंटन में सेे 25 प्रतिशत यानी लगभग 96 करोड़ रुपये क्षतिग्रस्त योजनाओं की बहाली के लिए खर्च करने होंगे। इसके परिणामस्वरूप जेजेएम पर चल रहे कार्यों के लिए धन की कमी हो जाएगी। वहीं, केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि वह इस मामले को देखेंगे और हिमाचल से अनुरोध पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेंगे। जेजेएम योजनाओं को पूरा करने के लिए 6 महीने का विस्तार मांगा अग्निहोत्री ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से अनुरोध किया कि हिमाचल को जेजेएम योजनाओं को पूरा करने के लिए 6 महीने का विस्तार दिया जाए, क्योंकि पिछले तीन महीनों के दौरान जल शक्ति विभाग, हिमाचल प्रदेश का पूरा ध्यान क्षतिग्रस्त योजनाओं की बहाली पर था जिसके परिणामस्वरूप चल रहे कार्यों की प्रगति में बाधा उत्पन्न हो रही है। 23 एंटी फ्रीज प्रस्तावों को शीघ्र मंजूरी देने का किया आग्रह अग्निहोत्री ने केंद्रीय मंत्री को याद दिलाया कि हिमाचल दौरे को दौरान उन्होंने राज्य सरकार को लेह और लद्दाख की तर्ज पर हिमाचल के बर्फीले क्षेत्र के लिए एंटी-फ्रीज जल आपूर्ति योजनाएं बनाने के निर्देश दिए थे। तदनुसार, राज्य सरकार ने जेजेएम के तहत 27 एंटी फ्रीज प्रस्तावों को मंजूरी के लिए केंद्र को भेजा है। हालांकि भरमौर, लाहौल, काजा और चांगों (जिला किन्नौर) के लिए 4 पॉयलट प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से शेष 23 प्रस्तावों को शीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया। वहीं, केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि शेष प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री से सिंचाई एवं बाढ़ संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की गयी।
ज्वालामुखी विधायक संजय रत्न द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुम्मर में 2 जनवरी को परीक्षाओं में अव्वल प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को टैब वितरित किए जाएंगे। प्रधानाचार्य एवं खंड परियोजना अधिकारी खुंडिया कमलेश कुमार शर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि तहसील ज्वालामुखी व मझीन के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों के मेधावी छात्र, जिन्होंने शैक्षणिक सत्र 2021-2022 में दसवीं व 12वीं की परीक्षा उच्च श्रेणी में उत्तीर्ण की है, वे 2 जनवरी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुम्मर में लगभग दस बजे पहुंच जाएं। टैब प्राप्त करने हेतु योग्य विद्यार्थी अपने साथ संबंधित विद्यालय द्वारा सत्यापित प्रमाण पत्र अपने साथ लेकर आएं, ताकि टैब आवंटन में कोई असमंजस की स्थिति पैदा न हो।
- झूठी गारंटियों के बाद अब आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने का थमा रहे लॉलीपोप भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी एवं पूर्व सीएम जयराम ठाकुर के मीडिया को-ऑर्डिनेटर विश्व चक्षु ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सार्वजनिक रूप से कह रहे हैं कि प्रदेश कांग्रेस सरकार के पास मात्र 23 करोड़ ही शेष बचे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की झूठी गांरटियां अब उनके गले की फांस बन चुकी हैं और राज्य के कल्याण में लगाए जाने वाली ऊर्जा को अपनी साख बचाए जाने के लिए प्रयोग में लाया जा रहा है। झूठी गांरटियों के बाद अब प्रदेश की जनता को आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने का लॉलीपोप थमाया जा रहा है, जबकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के पास न ही कोई उचित नीति है और न ही कार्य करने की नियती। उन्हें बस जनता को गुमराह करने आता है। इसके साथ ही विश्व चक्षु ने प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से शराबी व हुड़दंग मचाने वाले पर्यटकों को लेकर कही बात पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से धड़ाम हो रही है, ऐसे में उन्हें उचित व्यवस्था बनाने के निर्देश देने चाहिए, न कि उसे बिगाड़ने को कहना चाहिए। चक्षु ने कहा कि शांत देवभूमि हिमाचल को आखिर सीएम सुक्खू किस दिशा की ओर ले जाना चाह रहे हैं।
राजकीय महाविद्यालय ढलियारा 28 दिसंबर को स्थापना का स्वर्ण जयंती समारोह मनाने जा रहा है। समारोह में मुख्य अतिथि कॉलेज के पूर्व प्राचार्य बीएस पठानिया होंगे। कॉलेज के संस्थापक सदस्यों, आज तक सेवाएं दे चुके प्रिंसिपल व स्टाफ सदस्यों, पूर्व कार्यालय अधीक्षकों और पुराने छात्रों को समारोह में आमंत्रित किया गया है। प्राचार्य डा. अंजू चौहान ने बताया कि समारोह कॉलेज परिसर में ही मनाया जा रहा है। इसके लिए किसी को निजी रूप से निमंत्रण नहीं दिया जा रहा है। मंगलवार को प्राचार्य के निर्देशन में स्टाफ सदस्य और एनएसएस स्वयंसेवक समारोह की तैयारियों में जुटे रहे।
कांगड़ा-चंबा के सांसद किशन कपूर को लोकसभा चुनाव में वोट मांगने का कोई अधिकार नहीं है। सांसद पांच वर्ष प्रदेश की जनता से दूर रहे और अब जब चुनाव का समय आया तो जनता को भ्रमित कर राजनीतिक रोटियां सेंकने का कार्य कर रहे है। यह शब्द कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनमोहन कटोच ने इंदौरा के वन विश्राम गृह में रखी प्रेसवार्ता के दौरान कहे। मनमोहन कटोच ने भाजपा सांसद पर हमला बोलते हुए कहा की सांसद पूरे पांच वर्ष गायब रहे। खासकर आपदा के समय में जब कांगड़ा चंबा त्राहि-त्राहि कर रहा था, तब सांसद कहीं भी दिखाई नहीं दिए। केंद्र से सांसद निधि से एक फूटी कौड़ी अपने संसदीय क्षेत्र में जनता की सहायता के लिए नहीं ले पाए। अब लोकसभा चुनाव नजदीक आते देख प्रदेश की जनता से झूठ बोल उसे भ्रमित करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा की कठिन घड़ी में भी अपने संसाधनों से प्रदेश की जनता के लिए राहत कार्य किए और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाया जा रहा है, लेकिन भाजपा ने आपदा के समय में भी प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार किया। किसी भी सांसद ने केंद्र सरकार से प्रदेशवासियों के लिए एक फूटी कौड़ी तक नहीं लाई। लोकसभा चुनाव को लेकर मनमोहन कटोच से पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के साथ वर्षों से जुड़े हैं और पार्टी लोकसभा चुनावों में उनको प्रत्याशी बनाती है तो वे निश्चित रूप से चुनाव लड़ेंगे।
अमृता विश्व विद्यापीठम अमृता पुरी केरल की तरफ से टीबी मुक्त ग्राम समारोह का आयोजन किया गया। इसमें ब्लॉक हेल्थ एजुकेटर निर्मल धीमान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उनके साथ सीएचओ व आशा वकर्स भी मौजूद रहे। टीबी मुक्त ग्राम की सहयोगी पहल में अमृता की तरफ से इंदरपुर गांव में एक टास्क फोर्स बनाई गई। यह टीम टीबी पर काम करेगी। इस टीम में अमृता हेल्थ वर्कर राजविंद्र कौर गांव कोऑर्डिनेटर, संजीव शर्मा सीएचओ व आशा वर्कर आदि शामिल हैं। इस कार्यक्रम में ब्लॉक हेल्थ एजुकेटर द्वारा टीबी के लक्षणों, रोकथाम और बचाव के बारे में बताया गया। अमृता जनरल कोऑर्डिनेटर द्वारा अमृता टीबी मुक्त ग्राम के प्रोग्राम बारे बताया गया और पीएचडी छात्रा श्रुति द्वारा पानी की क्वालिटी के बारे में बताया गया। टेस्टिंग में इंदरपुर ग्राम का पानी अच्छा पाया गया है। इस कार्यक्रम के लिए अमृता विश्व विद्यापीठम के स्कूल फोर सस्टेनेबल फयुचर्स ने सभी गांववासियों इस कार्यक्रम में सहयोग करने की अपील की। इस कार्यक्रम में अमृता की तरफ से जोनल कोऑर्डिनेटर दीक्षा, डॉक्टर सबरी नाथ, डॉ. वर्षा, अक्षय, सतीश व पीएचडी स्टूडेंटस व संजीव शर्मा आदि शामिल रहे।
-ऊना, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन में सहकारी सभाओं के माध्यम से होंगे वितरित -खाद्य आपूर्ति विभाग के 26 गोदामों में भेज दिया गया है स्टॉक हिमाचल प्रदेश में राशन कार्ड धारक नए साल देसी चावल खाएंगे। प्रदेश खाद्य आपूर्ति विभाग जनवरी से सहकारी सभाओं में उपभोक्ताओं को देसी चावल वितरित करेगा। देसी चावल केवल चार जिलों ऊना, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन में ही सहकारी सभाओं के माध्यम से प्रदान किया जाएगा। इससे पहले प्रदेश में देसी चावल सहकारी सभाओं के माध्यम से वितरित नहीं किया गया। हिमाचल प्रदेश सिविल सप्लाई कार्पोरेशन लिमिटेड ने प्रदेश में किसानों से 22,897 मीट्रिक टन धान की खरीद की है। इस धान को प्रदेश सिविल सप्लाई कार्पोरेशन लिमिटेड ने सरकार की ओर से अधिकृत मिलों को भेजा और मिलों से 15,342 मीट्रिक टन चावल खाद्य आपूर्ति विभाग अब मिलों से प्राप्त कर रहा है, जिसमेंं से 7801 मीट्रिक टन चावल प्रदेश के खाद्य आपूर्ति विभाग के 26 गोदामों में भेज दिया गया है। अब यह चावल सिरमौर, सोलन, ऊना और कांगड़ा के गोदामों से खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से सहकारी सभाओं में पहुंचाया जा रहा है। सहकारी सभाओं में 5,906 मीट्रिक टन चावल भेज दिया गया है, जबकि अभी मिलों से 7,340 मीट्रिक टन चावल लेना बाकी है। यह चावल उपभोक्ताओं को अनुदान पर प्रदान किया जाता है। उपभोक्ताओं को इतने रुपये में मिलेगा यह चावल प्रदेश सरकार को देसी चावल मिलों में थ्रैशिंग करवाने के बाद प्रति किलो 38 रुपये के करीब पड़ रहा है। मिलों में अभी 5,781 मीट्रिक टन धान मंडियों से भेजा जाना है जिसकी अभी थ्रैशिंग होनी बाकी है। चार जिलों की 26 मंडियों में धान खरीद का मंगलवार आखिरी दिन रहा। अब अगले वर्ष ही धान की खरीद की जाएगी। पीडीएस कार्ड धारकों को 10 रुपये, जबकि बीपीएल कार्ड धारकों को छह रुपये प्रति किलो की कीमत पर देसी चावल उपलब्ध होगा।
-जनवरी के पहले सप्ताह में बारिश-बर्फबारी होने की संभावना -हालांकि प्रदेश में तीन दिनों तक साफ रहेगा मौसम हिमाचल प्रदेश में 29 दिसंबर से एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 29 दिसंबर से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि आगामी तीन दिन तक मौसम साफ बना रहेगा, लेकिन 29 दिसंबर को प्रदेश में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते मौसम करवट बदल सकता है। नए साल के पहले हफ्ते में ही प्रदेश में बर्फबारी हो सकती है। फिलहाल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी हुई है। शिमला की बात करें तो यहां पर भी तापमान में करीब 5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
अनुसूचित जाति से संबंधित एक शब्द लिखने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध के बाद भी जसवां-परागपुर के कई इलाकों मे सरकारी आदेशों की अवेहलना हो रही है। प्रदेश अनुसूचित जाति विकास कार्यक्रम वर्ष 2023-24 के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र के वर्क कोड सहित योजनाओं के लिए आवंटित धनराशि में प्रतिबंध उक्त जातीय शब्द का विभाग द्वारा बार-बार प्रयोग किया जाना असंवैधानिक व चिंताजनक है। जसवां परागपुर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अन्य पिछड़ा वर्ग जन कल्याण सभा के अध्यक्ष अशोक मेहरा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पत्र लिखकर इस असंवैधानिक शब्द को हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों की योजनाओं एवं उप योजनाओं से हटाने का निवेदन किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार द्वारा वर्ष 2000 में उच्च न्यायालय के आदेश अनुसार इस शब्द को पूर्णतय: प्रतिबंधित अथवा वर्जित किया गया है। इसके अतिरिक्त सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा देश के सभी मुख्य सचिवों को भेजे पत्रों में इस जातीय शब्द के प्रयोग करने पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाने की बात कही है, लेकिन मंत्रालय अपने ही आदेशों की अवहेलना करते हुए विधानसभा क्षेत्र को सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं में इसके नाम से राशि आवंटित कर रहा है। इस कारण अनुसूचित जाति वर्ग में भारी रोष है। जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र गांव सांडा में भी लोक निर्माण विभाग के बोर्ड पर प्रतिबंध शब्द बस्ती नाम अंकित है। जसवां परागपुर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अन्य पिछड़ा वर्ग जनकल्याण सभा ने अनुरोध किया है कि इस शब्द को जहां पर भी अंकित किया गया है, वहां से तुरंत हटाया जाए व दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। उधर, इस संबंध में कोटला बेहड़ लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अरुण वशिष्ठ से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अगर यह शब्द विभाग के बोर्ड पर अंकित है तो इसे शीघ्र हटाया जाएगा।
-सिहोरपाई स्कूल के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि की शिरकत -स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं को किया पुरस्कृत विधानसभा क्षेत्र ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए शिक्षा व्यवस्था का बेहतर होना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र ज्वालामुखी की शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। यह बात उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिहोरपाई के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कही। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में अनुशासन के साथ बहु आयामी गतिविधियों में भाग लेने के लिए आह्वान किया। विधायक ने विद्यार्थियों के प्रोत्साहन के लिए अपनी विधायक निधि से 11 हजार की धनराशि देने की भी घोषणा की। वहीं, स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों व सांस्कृतिक गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को भी सुना और अधिकतर का मौके पर ही समाधान किया। उन्होंने खेल प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को भी पुरस्कार वितरित किए। उपमंडल पुलिस अधिकारी ज्वालाजी विकास धीमान, तहसील कल्याण अधिकारी आदर्श शर्मा , बी डी ओ देहरा कुलदीप शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अरुण वशिष्ठ, नगर परिषद ज्वालाजी के अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, जिला परिषद सदस्य सीमा देवी, स्कूल के अध्यापक विद्यार्थी सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।
-विधायक ने परिवार एवं कार्यकर्ताओं के साथ मंदिर में टेका माथा -कहा, कैलाशपुर से लड़गलु व आशापुरी सड़क पर व्यय होंगे 12 करोड़ कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा ने मंगलवार को जयसिंहपुर विधानसभा के अंतर्गत माता आशापुरी मंदिर में पूजा अर्चना की एवं माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। गोमा का रास्ते में कैलाशपुर, मकोल व मल्ली में लोगों ने फूलमालाओं और बैंड बाजे के साथ भव्य स्वागत किया। गोमा ने कहा कि कुलदेवी माता आशापुरी का हमेशा आशीर्वाद रहा है। उन्होंने बताया गोमा ने चुनावी रण में उतरने से पहले भी माता के दरबार मे हाज़री लगाकर अपनी जीत की कामना की थी। चुनाव जितने के बाद सबसे पहले उन्होंने अपने परिवार व सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ माता आशापुरी के दरबार में हाज़री लगाकर आशापुरी का धन्यवाद किया था। मंत्रिमंडल विस्तार में प्रदेश सरकार में यादविंदर गोमा को कैबनेट मंत्री का दर्जा मिला है। मंत्री बनने के बाद मंगलवार को यादविंदर गोमा ने बैंड-बाजों के साथ परिवार व सैंकडों कार्यकर्ताओं सहित माता आशापुरी के दरवार मे शीश नवाया व आशीर्वाद लिया। जयसिंहपुर विधानसभा से 57 वर्ष बाद मंत्री पद पर नवाजे जाने से क्षेत्र के लोगों और कार्यकर्ताओं में खुशी है। यादविंदर गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा के लोगों ने चुनावों में उन्हें आशीर्वाद दिया और विधायक बनाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू ने उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाकर विधानसभा क्षेत्र के लोगों का दिल जीत लिया है। गोमा ने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच व कुशल नेतृत्व से हिमाचल में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने विधानसभा के लोगो को विश्वास दिलाते हुए कहा कि जैसे जयसिंहपुर विधानसभा के लोगों ने उन पर भरोसा करके विधायक बनाया उसे कायम रखते हुए जयसिंहपुर विधानसभा में विकास की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। मंत्री ने कहा कि माता आशापुरी मन्दिर के जीर्णोद्धार के लिये पच्चास लाख रुपये स्वीकृत किये गए गए हैं। जल्द ही इसका कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इसके अलावा कैलाशपुर से लड़गलु व लड़गलु से आशापुरी सड़क को नाबार्ड के तहत बनाया जाएगा जिसमे लगभग 12 करोड़ रुपये खर्च होंगे। माता आशापुरी मंदिर को जाने वाली सड़क मार्ग पर कैलाशपुर में दस लाख से गेट बनाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त भी बहुत सारे विकास कार्य चल रहे है। इस अवसर पर सभी विभागों के अधिकारी, रामेश्वर गोमा,जयसिंहपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत ढ़डवाल, संजीव राणा, सुरेश,आशा क्लोत्रा, संजय डोगरा, प्रकाश चंद, राज वर्मा, विजय राणा, नेहा, वर्मा, दीपू, रिंकू, संजीव कुमार, कुलवंत डोगरा, जय चंद व सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
-कारोबारी निशांत शर्मा मामले में निष्पक्ष जांच के लिए दूसरी जगह तैनात करने को कहा हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने मंगलवार को प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू और कांगड़ा जिले की एसपी शालिनी अग्निहोत्री को वर्तमान पद से मुक्त करने के निर्देश दिए। हिमाचल से संबंध रखने वाले नोएडा के कारोबारी निशांत शर्मा मामले की सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव और न्यायाधीश ज्योत्सना रेवाल दुआ ने कहा कि निष्पक्ष जांच इन्हें दूसरे पद पर शिफ्ट करना जरूरी है।
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने कार्यक्रम किया आयोजित संजीव गांधी-मीडिया पैनलिस्ट हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी को ईको टूरिज्म सोसाइटी गवर्नमेंट ऑफ हिमाचल प्रदेश (एचपीईसीओएसओसी) में सदस्य कार्यकारी समिति (ईसी) के रूप में नामांकित करने पर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन स्मार्ट सिटी धर्मशाला ने संजीव गांधी का अभिनंदन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल धीमान ने कहा कि यह हमारे एसोसिएशन के लिए बहुत सम्मान की बात है कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने हमारे जनरल सेक्रेटरी संजीव गांधी को राज्य में इको-टूरिज्म विकसित करने के लिए इतना महत्वपूर्ण पद सौंपा है। उन्होंने कहा कि संजीव गांधी का एनएसयूआई से लेकर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में एमबीए और एमए मनोविज्ञान के उच्च अध्ययन के दौरान एक छात्र नेता के रूप में (1980 से आज तक) कांग्रेस पार्टी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साथ 42 वर्षों से अधिक समय तक मजबूत संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि एस्कॉर्ट्स, यामाहा, जेके टायर्स, बजाज ऑटो, एलएमएल, हीरो और सोनालिका आदि जैसे प्रमुख ब्रांडों के लिए राष्ट्रीय और बहुत वरिष्ठ स्तर के असाइनमेंट के साथ ऑटोमोबाइल उद्योग की सेवा करने का 25 वर्षों से अधिक का कॉर्पोरेट अनुभव प्राप्त है। हिमाचल प्रदेश सरकार पहले ही इको टूरिज्म सोसायटी के तहत 11 मेगा परियोजनाओं को घोषित कर चुकी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संजीव गांधी को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कॉर्पोरेट जगत के विशाल अनुभव और पर्यटन उद्योग के लिए एक होटल व्यवसायी, जनरल सेक्रेटरी टू होटल एंड रेस्तरां एसोसिएशन स्मार्ट सिटी धर्मशाला और हिमाचल प्रदेश के होटल एवं रेस्तरां सहयोगियों के मंच के राज्य संयोजक और पर्यटन उद्योग के गहन ज्ञान के आधार पर इस कार्यभार के लिए चुना है। संजीव गांधी ने अपनी नियुक्ति के लिए कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पार्टी अध्यक्ष रानी प्रतिभा सिंह को धन्यवाद दिया, उन्होंने आगे कहा कि इको टूरिज्म के क्षेत्र में बहुत कुछ किया जाना बाकी है।
मार्च तक पूरी हो जाएगी कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तारीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया : मुख्यमंत्री
-कहा, पर्यटकों की सुविधा के लिए आधारभूत ढांचा किया जा रहा है विकसित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला में एक मीडिया संस्थान के कार्यक्रम में कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में और अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए उन्हें अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रदेश भ्रमण पर आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए आधारभूत ढांचा विकसित किया जा रहा है, ताकि उन्हें यहां आकर सुखद यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लगभग 9000 होटल हैं तथा पर्यटकों की संख्या को देखते हुए होम-स्टे के संचालन को भी विनियमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य नैसर्गिक सौंदर्य से भरपूर है तथा यहां पर 70 प्रतिशत तक वन क्षेत्र है इसलिए हिमाचल प्रदेश को उत्तर भारत के फेफड़े भी कहा जाता है। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए उन्होंने दुबई जाकर निवेशकों को पर्यटन तथा अन्य क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया है। हिमाचल प्रदेश में बर्फ से ढका क्षेत्र स्विट्जरलैंड से भी अधिक सुंदर एवं आकर्षित लगता है। उन्होंने कहा कि मार्च तक कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। प्रत्येक जिला मुख्यालय को हेलीपोर्ट की सुविधा से जोड़ा जा रहा है। राज्य सरकार आपदा और आर्थिक तंगहाली के बावजूद हिमाचल प्रदेश के पर्यटन को पटरी पर लाने में कामयाब हुई हैं तथा प्रदेश के सभी पर्यटक स्थलों पर रिकॉर्ड पर्यटक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हिमाचल प्रदेश में डेढ़ करोड़ से अधिक पर्यटक आए हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार के इरादे मजबूत हैं और वर्ष 2026 तक अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने में सफल होंगे और वर्ष, 2032 तक हिमाचल को देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाएंगे।
-बोले, पौंग विस्थापितों के हितों की करेगी रक्षा करेगी प्रदेश सरकार देहरा उप मंडल के हरिपुर में मिनी सचिवालय शीघ्र निर्मित किया जाएगा इस के लिए डीपीआर स्वीकृति के लिए भेज दी गई है ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। यह जानकारी कांग्रेस के मत्स्य विभाग के चेयरमैन नरदेव कंवर ने मंगलवार को हरिपुर में विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लेने के उपरांत दी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए किसी भी स्तर पर धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी तथा देहरा विस क्षेत्र को विकसित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पौंग विस्थापितों के साथ है तथा उनकी समस्याओं का चरणबद्व तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा ताकि इन लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान भी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खु ने आपदा प्रभावितों के लिए पुनर्वास के लिए सराहनीय कार्य किया है तथा देहरा विस क्षेत्र के आपदा प्रभावित परिवारों की सरकार की ओर हरसंभव मदद की गई है। उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री ने देहरा विधानसभा के विभिन्न पंचायतों में विकास कार्य के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की गई है जिसके लिए सभी पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि बनखंडी में चिड़ियाघर निर्मित करने की दिशा में सार्थक कदम उठाए गए हैं इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा वहीं स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के साधन भी उपलब्ध होंगे।
राजकीय महाविद्यालय शिवनगर में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। शिविर में कार्यक्रम अधिकारी प्रो. विवेकानंद शर्मा के नेतृत्व में 33 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। समापन समारोह के मुख्यातिथि प्राचार्य प्रो. उपेंद्र शर्मा थे। उन्होंने बच्चों को शिविर में सक्रियता से कार्य करने के लिए बधाई दी एवं आगे भी समाजसेवा से जुड़े रहने का आह्वान किया। वहीं, राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संयोजक डॉ. शशि राणा ने बच्चों को राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास एवं उद्देश्यों से अवगत करवाया और सेवा के पथ पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
-स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 8 करोड़ से हो रहा कचहरी चौक का जीर्णोद्धार कांगड़ा जिले के मुख्यालय एवं स्मार्ट सिटी धर्मशाला में राज्य के चार परमवीर चक्र विजेताओं की याद में स्मारक बनेगा। मेजर सोमनाथ शर्मा, मेजर धन सिंह थापा, कैप्टन विक्रम बत्रा और सूबेदार राइफलमैन संजय कुमार की याद में यह स्मारक कचहरी चौक पर बनाया जाएगा। इसके साथ ही अमर ज्योति भी स्थापित की जाएगी। स्मारक का कार्य पूरा होने के बाद जल्द कचहरी चौक में प्रदेश के सबसे ऊंचे 150 फीट तिरंगे का भी उद्घाटन किया जाएगा। प्रदेश के सर्वाधिक ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज से पर्यटन नगरी को भी नई पहचान मिलेगी। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करीब आठ करोड़ की लागत से कचहरी चौक का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। पूरे चौक में इंटरलॉक टाइल्स बिछाई जा रहीं हैं और चौक भी काफी खुला कर दिया गया है। अभी कार्य पूरा नहीं हुआ है, कई विकास कार्य शेष हैं। वहीं, चौक पर लगाया गया धर्मशाला दी हेवन सिटी का ग्लोशाइन बोर्ड भी हर किसी को आकर्षित कर रहा है। रात के समय नीले रंग की लाइन से यह बोर्ड पूरे चौक की सुंदरता को चार चांद लगा रहा है। र स्मार्ट सिटी धर्मशाला के एसडीओ केवल शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कचहरी चौक के जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है। यहां पर हिमाचल के चार परमवीर चक्र विजेताओं की याद में स्मारक बनाया जा रहा है, जिसका कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद वहां पर स्थापित किए 150 फीट ऊंचे तिरंगे का भी उद्घाटन किया जाएगा।
-हजारों की संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से मनाली जाम -अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर ड्रोन से हो रही निगरानी हिमाचल में क्रिसमस मनाने के लिए देश के कोने-कोने से पर्यटक प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पहुंचे हैं। शिमला, कुल्लू-मनाली, धर्मशाला और डलहौजी के साथ कई जगहों पर सैलानियों की भारी भीड़ जुटी है। हजारों की संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से मनाली तो जाम हो गया है। अटल टनल की ओर जाने वाले पर्यटकों की संख्या अधिक होने के कारण मनाली से अटल टनल और सिस्सू तक वाहन रेंगते रहे। पर्यटकों को वाहनों की रफ्तार धीमी होने के कारण सिस्सू पहुंचने में एक के बजाय तीन से चार घंटे का समय लगा। पर्यटकों की भीड़ से मनाली की सड़कों पर यातायात दबाव बढ़ गया है। मनाली शहर से अटल टनल, वामतट मार्ग, कुल्लू-मनाली हाईवे और हिडिंबा मंदिर के अलावा बंजार, पार्वती घाटी जाने वाली सड़क पर लंबा जाम लगा रहा। मनाली शहर के अंदर के बाइपास मार्ग पर भी वाहन रेंगते रहे। पुलिस के मुताबिक क्रिसमस के लिए मनाली में पर्यटकों की भीड़ उमड़ी है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि वाहनों का दबाव अधिक बढ़ गया। इस वजह से जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य किया। वहीं, क्रिसमस के अवसर पर और नए साल से पहले यहां आने वाले पर्यटकों की भारी संख्या को देखते हुए लाहौल और स्पीति पुलिस सिस्सू में अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल पर ड्रोन से निगरानी कर रही है।
-पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को जयंती पर दी श्रद्धांजलि -कहा, सबसे पहले वाजपेयी ने देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का उठाया था बीड़ा राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी ने आज लंबागांव खंड की चंबी पंचायत में पांच लाख रुपये की लागत से निर्मित इनडोर जिम का लोकार्पण किया। वहीं, देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए गोस्वामी ने कहा कि इस देश में फैले भ्रष्टाचार को खत्म करने का अगर किसी प्रधानमंत्री ने सबसे पहले बीड़ा उठाया था तो वे अटल बिहारी वाजपेयी थे। उन्होंने ही देश को बेहतर सुशासन दिया था। वहीं, देश के अंतिम छोर पर बसे गांव को प्रथम गांव का दर्जा देना व सेना में लड़कियों की भर्ती करने के साथ महिलाओं को हर क्षेत्र में अव्वल स्थान देना, यह वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच है। उन्होंने कहा कि आज सबसे ज्यादा समस्याएं देश की सीमाओं पर हैं। देश की सीमाओं पर बसे गांव जब विकसित होंगे तो सीमाओं पर जो समस्याएं हैं, वे स्वयं खत्म हो जाएंगी। इस मौके पर उन्होंने चंबी युवक मंडल द्वारा बास्केटबॉल कोर्ट की मांग को स्वीकार करते हुए कहा कि वे उन्हें इसकी प्रोपोजल बनाकर भेजें, जो भी धनराशि जरूरी होगी, वो दे दी जाएगी।
पौंग झील किनारे बसे 51 गांवों को ईको सेंसिटिव जोन बनाने पर क्षेत्रवासियों में भारी रोष है। सोमवार को उप मंडल देहरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरिपुर में स्थानीय लोगों ने ईको सेंसिटिव जोन के विरोध में एक बैठक की। इस बैठक में हरिपुर पंचायत व आसपास के लोगों ने भाग लिया। सामाजिक कार्यकर्ता व एडवोकेट शिवेंद्र सैनी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह जारी फरमान क्षेत्रवासियों के हित में नहीं है और इस निर्णय से लोगों को विभिन्न पावंदियों का सामना करना पड़ेगा। आज से ही एक आवाज बनकर अपनी लड़ाई लड़नी होगी। इस बैठक में अपील की गई की लोग आगे आएं और अपने हक की लड़ाई लड़ें। इस बैठक में पूर्व उप प्रधान संदीप शर्मा, निर्मल, आदर्श, कर्णदीप, सनक, अमित और अन्य लोग उपस्तिथ रहे।
-सैलानियों से पैक हुए प्रदेश के सभी पर्यटन स्थल -शिमला, मनाली, धर्मशाला और डलहौजी में उमड़ा सैलाब बरसात में आई आपदा की मार झेल चुके हिमाचल को क्रिसमस ने राहत दी है। प्राकृतिक आपदा के बाद पहली बार क्रिसमस पर राज्य के करीब सभी पर्यटन स्थल सैलानियों से पैक हो गए हैं। अगले एक हफ्ते पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को करोड़ों रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। शिमला, मनाली, धर्मशाला और डलहौजी में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। हालांकि कसौली और चायल में अपेक्षाकृत कम भीड़ है। सैलानी ऐसे पर्यटन स्थलों को तरजीह दे रहे हैं, जहां आसपास बर्फ के दीदार हो सकें। दिल्ली से आने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें, पर्यटन विकास निगम की बसें और निजी वोल्वो पैक चल रही हैं। शिमला में एक सप्ताह तक लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान शिमला के रिज मैदान पर पहली बार विंटर कार्निवाल का आयोजन हो रहा है। यहां आज से शुरू होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम न्यू ईयर तक चलेंगे। उेसे में जाम से निपटने के लिए शिमला में आज से एक सप्ताह तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा।
डाडासीबा पुलिस चौकी के तहत डाडासीबा से ढलियारा मार्ग पर गांव रोड़ी कोड़ी के पास देर रात ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क के बीचों बीच पलट गई। ट्रैक्टर की हुक टूट जाने से यह हादसा पेश आया है। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार किसी ठेकेदार की लेबर सीमेंट की बोरियां लेकर वापस अपने क्वार्टर आ रही थी कि रोड़ी कोड़ी गांव के पास हुक टूटने से पहले ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक व अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। वहीं, देर बड़े वाहनों के लिए यह रास्ता रात तक बंद रहा। सोमवार सुबह 8 बजे के करीब ट्रैक्टर व ट्रॉली को वहां से हटाया गया, उसके बाद ही यह रास्ता खोला गया है। वहीं, डाडा सीबा पुलिस चौकी प्रभारी किशोर चंद ने बताया कि इस बारे में पुलिस के पास कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ किया गया है। यह शिविर 29 दिसंबर तक चलेगा। इस शिविर का आयोजन राष्ट्रीय स्वयं सेवा योजना के संयोजक प्रो. विकास कलोत्रा के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस शिविर के दूसरे दिन रविवार को महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रो. रविंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन किया व उन्हें राष्ट्र का जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों के साथ अपने अनुभवों को साझा किया और कहा कि शिविर के दौरान सभी स्वयंसेवियों को मिलजुल कर कार्य करना है। इस समारोह में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. सुमिक्षल सूद, डॉ. आस्था गुप्ता, प्रो. ललिता शर्मा, प्रो. सचिन, प्रो. शिवानी और गगनदीप मौजूद रहे।
नूरपुर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक नशा तस्कर को एक किलो से अधिक चरस के साथ गिरफ्तार किया है। चरस के साथ पकड़े गए आरोपी की पहचान शाम लाल पुत्र शुनका राम निवासी जिल्हन (मंडी) के तौर पर हुई है। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए चरस और गाड़ी को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शनिवार देर शाम को पुलिस ने अमनी में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस ने एक कार को चेकिंग के लिए रोका। चेकिंग के दौरान पुलिस कार से 1.043 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए चरस और कार को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 2023 में पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ 132 केस दर्ज किए हैं।
-खाद्य आपूर्ति निगम ने प्रति पैकेट 4 रुपये बढ़ाए दाम हिमाचल प्रदेश के सरकारी राशन डिपुओं में चीनी के बाद अब सरसों का तेल भी महंगा हो गया है। सरकार ने प्रति पैकेट चार रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। खाद्य आपूर्ति निगम की ओर से बढ़ी हुई कीमतें इसी माह से लागू कर दी गई हैं। इससे प्रदेश के करीब 19 लाख उपभोक्ताओं को महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी। उपभोक्ताओं को बीते माह 110 रुपये सरसों का तेल दिया गया था। लेकिन, अब 114 रुपये प्रति पैकेट दिया जाएगा। सभी कार्ड धारकों के लिए एक ही दाम गौर रहे कि कांग्रेस सरकार ने कुछ माह पहले एपीएल, बीपीएल और एनएफएसए समेत सभी कार्ड धारकों को तेल के एक ही दाम तय कर दिए थे। जिसके बाद अब सभी को एक ही दरों पर तेल उपलब्ध होता है। अधिकारियों के अनुसार तेल के दाम टेंडर पर निर्धारित होते हैं। जो हर माह बढ़ते-घटते हैं। लेकिन बीते कई माह से इसके दाम 110 रुपये पर टिके हुए थे। जो अब सरकार की ओर से फिर बढ़ा दिए गए हैं। वहीं इससे पहले इसी माह सरकार ने चीनी के दाम भी 30 रुपये से बढ़ाकर 33 रुपये प्रतिकिलो कर दिए थे, जो अगले माह से मिलेगी। वहीं मलका की दाल में भी नौ रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। यह दाल पहले एपीएल परिवारों को पहले 64 रुपये प्रति पैकेट दिया जा रहा था, अब 73 रुपये मिल रहा है। साथ ही एनएफएसए व अन्य कार्ड धारकों को 54 रुपये बढाकर 63 रुपये कर दिया है। उधर, खाद्य आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र धीमान ने बताया कि राशन डिपुओं में आने वाले राशन और तेल के दाम ऑनलाइन अपडेट होते हैं। जिसका पता पीओएस मशीनों में ही लग पाता है।
-विधानसभा के शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन कैग ने रखी रिपोर्ट धर्मशाला के तपोवन में हिमाचल विधानसभा के पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन कैग की रिपोर्ट रखी गई। इसमें प्रदेश सरकार पर कर्ज और चुकाई जाने वाली ब्याज की राशि का ब्योरा पेश किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक वर्तमान में हिमाचल पर 86 हजार 589 करोड़ का कर्ज है। बीते साल में सरकार ने 13 हजार 55 करोड़ रुपये कर्ज उठाया। वहीं, राजस्व घाटा 6 हजार 335 करोड़ बताया गया है, जो 2021-22 के 7 हजार 962 करोड़ से कुछ कम है। वित्तीय वर्ष 2022-23 की इस रिपोर्ट के मुताबिक 2021-22 और 2022-23 में सरकार ने करीब 4 हजार 242 करोड़ की राशि खर्च की, लेकिन विभिन्न एजेंसियों से यूसी सर्टिफिकेट नहीं लिए। कैग ने इस पर सवाल उठाते हुए सरकार से इस बारे में आवश्यक कदम उठाने की बात कही है। छठा वेतन आयोग लागू होने से वेतन व पेंशन पर खर्च बढ़ा रिपोर्ट के मुताबिक जहां साल 2021-22 में वेतन पर 11 हजार 641 करोड़ रुपये सालाना खर्च हो रहा था, वहीं छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने के बाद इसमें चार हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ हर साल वेतन पर खर्च 15 हजार 669 करोड़ पहुंच गया है। वहीं, पेंशन के भुगतान पर भी खर्च की राशि 2021-22 के 6 हजार 88 करोड़ से बढ़कर 2022-23 में 9 हजार 283 करोड़ से अधिक हो गई। लगातार कर्ज लेने से सरकार को ब्याज पर भी 2021-22 के 4 हजार 472 करोड़ के मुकाबले 2022-23 के 4 हजार 828 करोड़ रुपये खर्च करना पड़ा। इसी तरह लोक लुभावन घोषणाओं को पूरा करने के लिए सरकार द्वारा उपदानों पर खर्च की जा रही राशि भी 2021-22 के 1240 करोड़ से बढ़कर 2022-23 में 1973 करोड़ तक पहुंच गई है।


















































