बहुप्रतीक्षित कांगड़ा वैली कार्निवल का धर्मशाला में धमाकेदार आगाज हुआ। शुक्रवार को कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने धर्मशाला के पुलिस मैदान में कार्निवल की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने मिलेट्स फूड फेस्टिवल और क्राफ्ट बाजार की भी शुरुआत की। उन्होंने कार्निवल में सजाई विभिन्न विभागीय प्रदर्शनियों का शुभारंभ भी किया। कृषि मंत्री की धर्मपत्नी कृष्णा चौधरी भी इस मौक़े उनके साथ रहीं। कार्यक्रम में पद्मश्री नेक राम शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि जिला कांगड़ा को पर्यटन की दृष्टि से देश के सर्वोत्तम स्थलों में से एक बनाने के लक्ष्य को साधने के लिए सरकार नए आयामों पर कार्य कर रही है। इसी के चलते ‘कांगड़ा वैली कार्निवल’ जैसे वाइब्रेंट आयोजन पर्यटन की संभावनाओं को यहां विकसित करेंगे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवल के आयोजन से पर्यटन राजधानी कांगड़ा में कला, संस्कृति और कौशल के मंचन और प्रदर्शन से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन विकास को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवल प्रदेश के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों से यहां घूमने आए पर्यटकों के मन पर भी एक अमिट छाप छोड़ेगा। *कांगड़ी-पहाड़ी तरानों पर झूमे लोग* आयोजन के मौके पर बादल भी खूब बरसे। पर बसरते मेघों ने कार्निवल के आंनद में डूबने को आतुर लोगों के उत्साह को मानो दोगुना कर दिया। हिमाचली लोक संस्कृति को समर्पित पहली सांस्कृतिक संध्या में लोग कांगड़ी-पहाड़ी तरानों पर लोग खूब झूमे। इस दौरान अन्य प्रस्तुतियों के अलावा हिमाचल के नामी गायकों करनैल राणा, दीक्षा तूर, सुनील राणा और कुमार साहिल की मखमली आवाज के जादू ने सबको सम्मोहित कर दिया।
साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में पहली बार एडवेंचर स्पोट्स फेडरेशन का गठन हुआ है। इसकी पहली बैठक शुक्रवार को धर्मशाला में फेडरेशन के अध्यक्ष एवं विधायक सुधीर शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें फेडरेशन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस मौके पर सुधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में साहसिक पर्यटन की काफी संभावना है। यहां पर एडवेंचर टूरिज्म को अधिक से अधिक प्रमोट किया जाना जरूरी है। इससे यहां पर्यटन भी बढ़ेगा और कई लोगों को रोजगार भी मिलेगा। इसी दृष्टि को लेकर एक फेडरेशन बनाई गई है, जिससे एडवेंचर टूरिज्म से जुड़े लोगों को इक_ा किया जा सके और उनको बेहतरीन मंच उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि फेडरेशन के तत्वावधान में नवंबर महीने में इसी साल धर्मशाला में इंडिया इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस एक्सपो आउटडोर स्पोर्ट्स इक्विपमेंट एंड टेक्नोलॉजी का आयोजन किया जा रहा है। भारत सरकार का सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के बैनर तले आयोजित होने वाले इस एक्सपो में एडवेंचर स्पोर्ट्स को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के वक्ता धर्मशाला आएंगे। इसमें हिमाचल प्रदेश में साहसिक खेलों को लेकर चर्चा होगी। इसमें प्रदेश में एडवेंचर स्पोर्ट से जुड़े लोग भी भाग लेंगे। इस एक्सपो के दौरान एडवेंचर स्पोर्ट्स से जुड़े विभिन्न उपकरणों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इस तरह का यह साउथ एशिया का पहला आयोजन होगा। इस मौके पर फेडरेशन के अध्यक्ष सुधीर शर्मा, अरविंद कंवर, जगदीप सिंह भल्ला, चेतक कंवर, अजय शर्मा, एडवोकेट अंकुर सोनी, अरविंद पाल, गौतम ठाकुर, सतीश कुमार, अविनाश धवन, डॉ. चंद्रभूषण, डा निशांत मेहता, मुनीष दीक्षित व सुधांशु मौजूद रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बठरा में अंडर- 14 छात्र-छात्राओं की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। इस मौके पर विद्युत विभाग देहरा के अधिशासी अभियंता कुलदीप सिंह राणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। चार दिवसीय प्रतियोगिता में 41 विद्यालयों के 650 विद्यार्थियों ने भाग लिया। छात्रा वर्ग में कबड्डी में बठरा स्कूल विजेता और लग बलियाना स्कूल उपविजेता रहा। वॉलीबॉल में डीएवी एम विजेता और एलवीएमएस नंगल चौक उपविजेता, बैडमिंटन में कडौ़आ विजेता और निरहुआ उपविजेता, चैस में कानपुर विजेता और बाथु टिप्परी उपविजेता रहा। इस समारोह में दिलबर जीत सिंह चंद्र सेवानिवृत्त शिक्षा उपनिदेशक, बलदेव सिंह बडालिया, एसएमसी प्रधान, पंचायत प्रधान सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। यह जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार ने दी।
विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला के विकास में सबकी भागीदारी तय बनाई जा रही है। हमारी सभी योजनाएं और प्रयास हर वर्ग, हर व्यक्ति के कल्याण को समर्पित हैं। शर्मा बुधवार को धर्मशाला के सिद्धबाड़ी में आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। शर्मा ने कहा कि धर्मशाला के सिद्धबाड़ी में 130 करोड़ रुपये का अंतरराष्ट्रीय स्तर का कन्वेंशन सेंटर बनेगा, जो कांगड़ा जिले के साथ-साथ संपूर्ण प्रदेश के लिए लाभकारी होगा। कॉंफ्रेेंस सिटी के तौर पर उभर रहे धर्मशाला में इस प्रकार का कन्वेंशन सेंटर नितांत जरूरी है, जहां राज्य के साथ साथ राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण सम्मेलनों, बैठकों तथा अन्य आयोजनों के लिए उपयुक्त सेमिनार हॉल, बैठक कक्ष तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों के साथ के साथ साथ वाहन पार्किंग की बड़ी सुविधा हो। बहुत जल्द इसका कार्यालय आरंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला के नरघोटा में टूरिज्म विलेज के विकास को लेकर काम किया जा रहा। वहीं सकोह में आइस स्केटिंग तथा रोलर स्केटिंग रिंक के निर्माण की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। यह सब प्रयास क्षेत्र में पर्यटन को नया आयाम देने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे। सुधीर शर्मा ने बताया कि ढगवार मिल्क प्लांट का 250 करोड़ रु़पए से कायाकल्प किया जाएगा। यह मिल्क प्लांट नई तकनीक से बनेगा। इससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने साथ साथ रोजगार का भी सृजन होगा। इस दौरान एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रमोत्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बाड़ी कंदरोड़ी के स्वामी विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल कंदरोड़ी से अपनी पढ़ाई पूरी कर चाहत भनोट ने अपनी मेहनत से सफलता हासिल कर अपने सपनों को पंख लगा दिए हैं। चाहत भनोट ऐसी युवा लड़की है, जिन्होंने हाल ही में मास्टर ऑफ साइंस इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी में नॉर्थ वेस्ट शिकागो (अमेरिका) यूनिवर्सिटी में उच्च स्थान हासिल करके विदेश में अपना परचम लहराया है। उनकी सफलता से इंदौरा क्षेत्र में खुशी की लहर है। चाहत जिला कांगड़ा के छोटे से कस्बे गांव कंदरोड़ी की रहने वाली है। उनके पिता पंकज भनोट व्यवसायी हैं और माता अपना निजी स्कूल चलाती हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई अपने गांव के स्कूल स्वामी विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पूरी की। वहीं से उनकी सफलता की शुरुआत हुई। यहां से उन्होंने सफलता की पहली सीढ़ी चढ़ी और कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा। चाहत बताती हैं कि उन्होंने दसवीं कक्षा में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए। 12वीं कक्षा में भी शत-प्रतिशत अंक आने के बाद चाहत ने चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेज में प्रवेश मिल गया। जहां उन्होंने अपनी बैचलर डिग्री पूरी की, जिसके बाद नॉर्थवेस्ट शिकागो यूनिवर्सिटी (अमेरिका) में पढ़ने का उनका सपना था, जिसको पूरा करते हुए चाहत ने कड़ी मेहनत करते हुए अमेरिका यूनिवर्सिटी में एमटेक डिग्री में सर्वोत्तम स्थान हासिल किया। चाहत का कहना है कि वह अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और अपने अभिभावकों को देना चाहती है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश द्वारा सिंचाई योजनाओं के वास्ते पानी लेने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मांगने की शर्तों को माफ करने के केंद्र के ''एकतरफा फैसले'' का विरोध किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्र सरकार ने 15 मई को इस संबंध में भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के अध्यक्ष को निर्देश जारी कर दिया। इन निर्देशों के तहत, सरकार ने बीबीएमबी अध्यक्ष को एनओसी के मौजूदा तंत्र को इस शर्त के साथ समाप्त करने का निर्देश दिया है कि हिमाचल प्रदेश सरकार का कहना है कि संचयी निकासी को सत्ता में उनके समान हिस्से से कम रखा जाता है, जो कि 7.19 प्रतिशत है। मुख्यमंत्री के अनुसार यह फैसला पूरी तरह से अनुचित, निराधार और पंजाब के साथ घोर अन्याय है, क्योंकि जल समझौते के अनुसार हिमाचल प्रदेश को सतलुज और ब्यास नदियों से पानी देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने बिजली के लिए हिमाचल प्रदेश को 7.19 प्रतिशत हिस्सा देने की अनुमति दी है और शीर्ष अदालत द्वारा पानी के बंटवारे के संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। पानी का बंटवारा एक अंतरराज्यीय विवाद है और ''राज्यों द्वारा पानी साझा करने के लिए कोई एकतरफा निर्देश जारी नहीं किया जा सकता है। सीएम ने इस बात पर प्रकाश डाला कि बीबीएमबी का गठन पंजाब पुनर्गठन अधिनियम, 1966 की धारा 79 (1) के तहत किया गया था, जिसके अनुसार बोर्ड का शासनादेश प्रशासन, बांध और जलाशयों का रखरखाव और नंगल हाइडल चैनल और रोपड़, हरिक, फिरोजपुर में सिंचाई हेडवर्क्स के संचालन के लिए है।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने मंगलवार को नगरोटा बगवां के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरोत्री में अंडर 14 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में नगरोटा बगवां खंड के 32 स्कूलों के 670 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इस मौके बाली ने सरोत्री स्कूल के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्कूली और ग्रामीण खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। स्कूलों और गांवों में मैदानों के सुधार पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा एक सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण की धुरी होते हैं। खेल का फिटनेस से सीधा नाता है, इसलिए जरूरी है कि युवा खेलों में बढ़चढ़ कर भाग लें। बाली ने बच्चों से जीवन में लक्ष्य रख कर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्ट कट नहीं होता, युवा यदि जीवन में अनुशासन, मेहनत, एकाग्रता तथा कभी हार न मानने की वृति के साथ निरंतर प्रयासरत रहें तो उनके लिए कोई भी लक्ष्य असाध्य नहीं है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने को कहा। इससे पहले, स्कूल की प्रधानाचार्य नीलम डढवाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए स्कूल की विविध गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मानसिंह चौधरी, विभिन्न स्कूलों के अध्यापक, छात्र-छात्राएं, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
नशे की रोकथाम को लेकर पुलिस और पर्यटन विभाग की ओर से पर्यटन विकास निगम अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड उपाध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री रैंक रघुबीर सिंह बाली ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की। दरअसल, “वाइप आउट ड्रग्स” जोकि प्रदेश सरकार द्वारा चलाया गया एक अभियान है, जिसके अंतर्गत राज्य से नशीले पदार्थों के खतरे को खत्म करने के लिए मिशन बनाया गया है। इसको लेकर शिमला में होने वाले रन फॉर ड्रग फ्री, सेफ एंड ग्रीन हिमाचल प्रदेश 10वीं पुलिस हाफ मैराथन-2023 रिज शिमला में 25 जून को, प्रदेश पुलिस और हिमाचल पर्यटन की साझेदारी के साथ एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। पुलिस और पर्यटन विभाग की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में RS बाली ने कहा कि “वाइप आउट ड्रग्स” एक ऐसा संकल्प है एक ऐसी सोच है, जिसको लेकर हमारा देश आगे बढ़ रहा है। एक ऐसी सोच जिसको लेकर एक ऐसी मुहिम को आगे बढ़ाया जा रहा है, जो एक बदलाव लाएगी। बाली ने आगे कहा इस मुहिम में बच्चों, विद्यार्थियों और बच्चों के माता-पिता सभी लोगों को शामिल किया गया और किसी ना किसी माध्यम इन सबको जागरूक भी किया गया कि किस तरह से ड्रग्स पूरे देश-प्रदेश और आने वाली पीढ़ियों को नष्ट कर सकता है। ड्रग्स के कारण कितनी जिंदगियां बर्बाद हो सकती है। ड्रग्स सभी के लिए हानिकारक है। आरएस बाली ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सोच की सहारना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की सोच बहुत ही अच्छी है। मुख्यमंत्री जब प्रदेश अध्यक्ष थे तबसे ही ऐसी सोच रखते हैं। प्रदेश को ड्रग फ्री करना बहुत ही अच्छी मुहिम है। प्रदेश को ड्रग फ्री करने के लिए सभी को एक साथ होना पड़ेगा। तभी पूरी तरह इसको जड़ से खत्म किया जा सकता है। उन्होंने विभागों से अपील की है कि टूरिज्म के साथ-साथ अन्य डिपार्टमेंट भी प्रदेश को ड्रग फ्री करने में अपना योगदान दें।
असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष राजीव राणा ने जिला कांगड़ा की विधानसभा क्षेत्र ज्वालामुखी से युवा कांग्रेस नेता व ज्वालामुखी विधायक संजय रत्न के करीबी मुनीश शर्मा को अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है। अपनी नियुक्ति पर पार्टी संगठन के राष्ट्रिय अध्यक्ष डॉ.. उदित राज, प्रदेश अध्यक्ष राजीव राणा, जिलाध्यक्ष नितेश सूद, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रानी प्रतिभा सिंह, विधायक संजय रत्न अन्य वरिष्ठ नेताओं का आभार प्रकट करते हुए मुनीश शर्मा ने कहा की पूरी निष्ठा व समर्पिता के साथ पार्टी विचारधारा से लोगों को जोड़ने का भरसक प्रयास करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में कामगारों से संबंधित कई कल्याणकारी योजनाओं ने दम तोड़ दिया है। केंद्र की सरकार ने निजीकरण को बढ़ावा देकर सरकारी नौकरी के रास्ते बंद कर रखे हैं। मुनीश शर्मा ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए ई. एस. आई की स्वास्थ्य सेवा, लघु ऋण से स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा योजना की विभिन्न योजनाएं, नेशनल पेंशन स्कीम, स्वर्ण जयंती शहरी रोजगार योजना के अतिरिक्त एल.आई.सी की जीवन मंगल व जीवन मधुर जैसी सुविधाओं को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा की पंचायती राज के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के अतिरिक्त खेतिहर मजदूर अथवा मौसमी व्यवसाय पर आश्रित कामगारों को मनरेगा के माध्यम से 100 दिन के न्यूनतम रोजगार गारंटी सुनिश्चित करना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने कहा कि कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के अनुसंधान केंद्र और कृषि विज्ञान केंद्रों को पर्यटन से जोड़ा जाएगा। इसे लेकर पर्यटन विभाग और विश्वविद्यालय जल्द ही एक एमओयू साइन करेगा। वे चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा 12 से 14 जून तक आयोजित क्षेत्रीय कृषि मेला 2023 पर्वतीय कृषक महासंगम समारोह के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत करते हुए बोल रहे थे। बाली ने विश्वविद्यालय कुलपति को बधाई देते हुए लंबे समय से बंद किसान मेले की इस परंपरा को पुनः आरंभ करते हुए दस वर्षों के बाद इस तरह के आयोजन के लिए उनके प्रयासों की सराहना की। ’एग्रो टूरिज्म के विकास की अपार संभावनाएं’ आर.एस. बाली ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन की दृष्टि से काफी विकसित हुआ है। पर्यटन का राज्य की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान है। प्रदेश में कृषि क्षेत्र में एग्रो टूरिज्म के विकास की अपार संभावनाएं हैं। जिससे ना केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि किसानों की आर्थिकी भी मजबूत होगी। प्रदेश सरकार ‘एग्रो टूरिज्म’ के विकास को लेकर काम करेगी। इसके जरिये किसानों और गांव के लोगों के लिये रोजगार के रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों को कहा कि प्रदेश की पारंपरिक फसलों जैसे मोटे अनाज के प्रति किसानों को अधिक से अधिक जागरूक करें। ताकि इन फसलों का अधिक से अधिक उत्पादन एवं मूल्य संवर्धन करके इन्हें एग्रो टूरिज्म के माध्यम से विक्रय कर किसानों को बेहतर आय प्राप्त हो सके। उत्पादों के प्रचार में मदद करेगा पर्यटन निगम आरएस बाली ने कहा कि विश्वविद्यालय के उत्पादों के प्रचार की आवश्यकता है और पर्यटन निगम इसमें अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएगा। उन्होंने वैज्ञानिकों से कहा कि कृषि मेले में विभिन्न विभागों ने जो नए शोध, बीज, तकनीक, यंत्र, उपकरण प्रदर्शित किए हैं, वे गांवों व किसानों के घरों तक भी पहुंचने चाहिए। ऐसा होने से यह तकनीकें सही मायने में किसानों के बीच पहुंचेगी और उनके जीवन में सुधार लाने तथा उनकी आमदनी को बढ़ाने में सहायक होंगी। उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था का मूल आधार कृषि है और इसका सकल घरेलू उत्पाद में बहुत महत्वपूर्ण योगदान है। धार्मिक और व्यावसायिक मेलों की तर्ज पर किसान मेले ग्रामीण समुदाय व किसानों के लिए बड़े फायदेमंद हैं। स्टॉल्स का किया अवलोकन हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने क्षेत्रीय कृषि मेले में विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया। उन्होंने स्टॉल में रखे गये यंत्रों और उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने वैज्ञानिकों द्वारा किसानों के लिए लिखी उपयोगी पुस्तिकाओं का विमोचन किया। उन्होंने कृषि उत्पादों की प्रतियोगिता में अव्वल रहने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गयाबता दें, हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में आयोजित किसान मेले में विभिन्न प्रदर्शनियों को लगाया गया था। प्रदेश के विभिन्न भागों से किसानों द्वारा अपने उत्पादों को लाया गया था। इनमें किसानों के लिए हरी सब्जियों, फलों, खाद्यान्नों आदि में प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
धर्मशाला में 15 जून से कांगड़ा वैली कार्निवल (Kangra Valley 'K'arnival) का भव्य आगाज होगा। धर्मशाला के पुलिस मैदान में होने वाला यह आयोजन 15 से 29 जून तक चलेगा। कार्निवल में थीम आधारित सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जांएगी। उपायुक्त कार्यालय में कांगड़ा वैली कार्निवल की तैयारियों के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधायक धर्मशाला सुधीर शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान 16 जून से 19 जून तक चार दिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिनमें स्थानीय कलाकारों और लोक संस्कृति को विशेष महत्व दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 16 जून को कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार इसका शुभारंभ करेंगे और 19 जून को समापन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू कांगड़ा वैली कार्निवल के मुख्यातिथि होंगे। इन थीम पर होंगी सांस्कृतिक संध्याएं सुधीर शर्मा ने बताया कि चारों सांस्कृतिक संध्याओं के लिए थीम तय की गई है। उन्होंने बताया कि स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ रोज शाम चार बजे सांस्कृतिक संध्या आरंभ होगी। उन्होंने बताया कि कांगड़ा वैली कार्निवल की पहली सांस्कृतिक संध्या 16 जून को होगी, जिसकी थीम होगी ‘कांगड़ी/पहाड़ी इवनिंग’। उन्होंने कहा कि पहला दिन प्रदेश के स्थानीय कलाकारों को समर्पित होगा। जिसमें प्रदेश के नामी लोक कलाकारों के साथ क्षेत्र के स्थानीय फनकार लोगों का मनोरंजन करेंगे।
जिला कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के मुख्यमंत्री के संकल्प से पालमपुर में भी विकास के नव आयाम स्थापित होंगे। पालमपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दियोग्रां में 30 लाख की लागत से बने मुख्यमंत्री लोकभवन के उद्घाटन के अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव व पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशीष बुटेल ने यह शब्द कहे। उन्होंने कहा कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध करवाने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी घोषित किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इस संकल्प की पूर्ती के लिए आने वाले समय में क्षेत्र में कईं परियोजनाएं पर कार्य होगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से पालमपुर में विकास की अपार संभावनाएं है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल यहां विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित होगा बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए साधन भी निर्मित होंगे। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं के अलावा भी क्षेत्र की बेहतरी के लिए उनके पास अनेक आइडियास् हैं। उन्होंने कहा कि इन आइडियास् के आधार पर यहां के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। इससे अवसर पर दियोग्रां की प्रधान सुनीता कुमारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए लोक भवन के लिए उनका आभार जताया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दियोग्रां के उप प्रधान राकेश कुमार, खंड विकास अधिकारी शिखा, एसडीओ ब्लॉक अश्विीन कुमार शर्मा, विद्युत बोर्ड के एसडीओ कुलदीप भाटिया, एसडीओ जल शक्ति विभाग शेखर कटोच सहित बड़ी संख्या में स्थानीय उपस्थित रहे।
कांगड़ा जिले के फतेहपुर ब्लॉक के अंतर्गत आदर्श राजकीय विद्यालय मंड मियाणी के बच्चों ने तंबाकू की रोकथाम से जुड़े कोटपा कानून के ऊपर जागरुकता रैली निकाली। नाडा इंडिया फाउंडेशन के युवा जागेगा तंबाकू भागेगा अभियान के तहत इस रैली का आयोजन किया गया। स्कूल प्रिंसिपल सुधीर कुमार ने कहा कि हर साल तंबाकू के इस्तेमाल से लाखों लोग अपनी सेहत गंवा देते हैं, जोकि चिंता का विषय है। तंबाकू उद्योग का लक्ष्य युवा वर्ग या बच्चे हैं, इसके लिए प्रयोग से बचने के लिए लोग को जागरूक करना बहुत जरूरी है। विद्यालय के खेल प्रभाग के प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि नाडा इंडिया फाउंडेशन का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान भविष्य की नीव रखेंगे। बदलाव की कड़ी बनेंगे। नाडा यंग इंडिया नेटवर्क के प्रयास इस दिशा में सराहनीय है। रैली में नाडा यंग इंडिया नेटवर्क ने युवा जागेगा तंबाकू भागेगा नारे का महत्व रेखांकित किया। विद्यार्थियों की भागीदारी से तंबाकू की रोकथाम की दिशा में एक सराहनीय पहल ली गई। जागरुकता रैली में कुल 600 विद्यार्थियों समेत स्कूल स्टाफ ने व नाडा इंडिया युवा नेटवर्क के सदस्यों ने इसमें भाग लिया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बठरा में चार दिवसीय खंड स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को शुभारंभ कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष ठाकर सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने किया। उद्घाटन समारोह में ब्लॉक खंड डाडासीबा के 40 स्कूलों के लगभग 650 बच्चों ने भाग ले रहे हैं। बच्चे खो-खो, कबड्डी, कुश्ती, बैडमिंटन तथा चेस स्पर्धाओं में भाग लेंगे। पहले दिन पहला मैच वालीबाल में कस्बा कलेली व लेक व्यू मॉडल स्कूल नंगल चौक में मैच खेला गया, जिसमें कस्बा कलेली स्कूल को विजेता घोषित किया गया। इस मौके पर जसवां परागपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुशल सपेहिया, दिलबर जीत चंद्र सेवानिवृत्त शिक्षक निर्देशक, प्रधानाचार्य मुख्य अध्यापकों सहित बहुत से गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। उपरोक्त जानकारी स्थानीय स्कूल प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार ने दी।
बाबा कांशी राम उत्कृष्ट विद्यालय डाडासीबा के पूर्व छात्र अंश बहल व निखल कुमार जेई मेंस की परीक्षा पास करने के बाद मंगलवार को स्कूल पहुंचे तो प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार सहित अन्य शिक्षकों व स्टाफ ने उनका स्वागत किया। जानकारी देते हुए स्कूल प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार ने बताया कि ऐसे होनहार छात्रों पर हमें गर्व है। वहीं, निखिल कुमार व अंश बहल ने बताया 1 साल का कठिन परिश्रम करने के बाद उन्होंने जेई मेंस की परीक्षा पास की है।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर, बलाहर, में संस्कृत भारती हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित 12 दिवसीय शिबिर-चालक-प्रशिक्षण वर्ग का कल समापन होगा। प्रशिक्षण वर्ग के समापन कार्यक्रम में परिसर के निदेशक प्रो. मदन मोहन पाठक मुख्य अतिथि होंगे। मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री शजय प्रकाश गौतम, विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर क्षेत्र मंत्री प्रो. यशवीर सिंह तथा हिमाचल प्रदेश के संस्कृत भारती प्रांत अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। वर्गाधिकारी कांगड़ा विभाग संयोजक डॉ. पुरुषोत्तम ने जानकारी देते हुए कहा कि समापन कार्यक्रम की समाप्ति के उपरांत शाम 5 बजे समीपस्थ नगर परागपुर में संस्कृत शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सभी 101 प्रशिक्षणार्थी, 21 प्रबंधक, 9 शिक्षक, संस्कृत भारती हिमाचल प्रदेश के कार्यकर्ता एवं स्थानीय संस्कृत अनुरागी ने भाग किया। डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि सामाजिक जागरुकता एवं संस्कृत के प्रचार प्रसार हेतु इस प्रकार के आयोजन समय-समय पर होने आवश्यक है, जिससे इस भाषा को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
लोटस इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल रक्कड़ के विद्यार्थी शिक्षा के साथ अन्य गतिविधियों में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। गत दिनों शिक्षा मंत्रालय और सीबीएसई के द्वारा पेंटिंग प्रतियोगिता करवाई गई, इसका विषय 'जी-20 और वासुदेव उत्तम कम एक देश एक राष्ट्रÓ था। यह प्रतियोगिता स्कूल स्तर पर करवाई गई, जिसमें स्कूल के छठी से लेकर 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों के चित्रों को चयनित करके रेनबो इंटरनेशनल स्कूल कांगड़ा में भेजा गया। प्रतियोगिता में लोटस स्कूल गरली की सानिया ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। सानिया की इस उपलब्धि पर उसे क्रॉकरी और प्रमाण पत्र से नवाजा गया सानिया 11वीं कक्षा की छात्रा है। स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने प्रार्थना सभा में विद्यार्थी और अध्यापक गणों के साथ साझा किया। सानिया की इस सफलता पर स्कूल प्रबंधन कमेटी के चेयरमैन कृपाल सिंह देशराज भी उपस्थित रहे।
ब्लॉक परागपुर के अंतर्गत आने वाली पंचायत घियोरी, बीहन, चुदरेहड़ एवं लगबलियाना में मंगलवार को प्राकृतिक खेती के तहत किसानों ने बिजाई की, जिसमें ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर सुनील कुमार की अगुवाई इस अभियान का आगाज किया गया।वहीं अधिकारी द्वारा किसानों से खुद खेतों में जाकर बिजाई करवाई गई। सुनील कुमार ने बताया सर्वप्रथम बीज का उपचार बीजामृत से किया गया साथ ही एक पंक्ति में ही बिजाई की गई। वहीं उक्त स्थान पर उपस्थित अन्य महिलाओं ने भी प्राकृतिक खेती के बारे में जाना तथा खेती के गुण सीखें इस दौरान घियोरी से आशा देवी, बीहन व चुदरेहड़ से नीलम देवी व लग बलियाना से सीमा शर्मा ने प्राकृतिक खेती की बिजाई की। अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि प्राकृतिक खेती कृषि की प्राचीन पद्धति है। यह भूमि के प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखती है। प्राकृतिक खेती में रासायनिक कीटनाशक का उपयोग नहीं किया जाता है। इस प्रकार की खेती में जो तत्व प्रकृति में पाए जाते है, उन्हीं को खेती में कीटनाशक के रूप में काम में लिया जाता है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंड मियाणी में मंगलवार को अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। चार दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 40 विद्यालयों के के 528 प्रतिभागी अपना दमखम दिखाएंगे। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक मलेंद्र राजन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। स्कूल में पहुंचने पर प्रिंसिपल डॉ. रत्न चंद, स्कूल स्टाफ, स्थानीय प्रधान काश्मदीन आदि ने भव्य स्वागत किया व प्रतिभागियों द्वारा मार्चपास्ट कर सलामी दी गई। विद्यालय प्रबंधन समिति व स्टाफ ने पारंपरिक पगड़ी, शॉल व स्मृति चिन्ह देकर विधायक को सम्मानित किया। इसके बाद विधायक ने मंड मियाणी के लोगों की समस्याओं को सुना व उपस्थित अधिकारियों को इनके शीघ्र हल करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि सरकारी स्कूलों में प्रशिक्षित एवं योग्य स्टाफ होता है और सरकारी विद्यालयों के बच्चे प्रत्येक क्षेत्र में अपना नाम रौशन करें, इसका अवसर प्रदान किया जाता है तो वहीं उन्होंने स्कूल स्टाफ को तन्मयता से कर्तव्य निर्वहन के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कही कि सभी विभाग यह जान लें कि पिछले 5 वर्षों की व्यवस्था को परिवर्तित किया गया है और राजनीतिक द्वेष से किसी का तबादला नहीं सिया जाएगा, लेकिन कर्तव्यों में कोताही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि मंड क्षेत्र के विकास के लिए कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने स्कूल में स्टाफ की कमी को दूर करने का आश्वासन दिया व त्यौड़ा पत्तन पुल व उलैहड़ियां पुल को प्राथमिकता से बनवाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रदेश वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन मुरीद हुसैन, उप प्रधान सुखविंदर सिंह, एसडीओ महेंद्र ठाकुर, एसडीओ सिकंदर पठानिया सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी व स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कांग्रेस मंडलाध्यक्ष दविंद्र मनकोटिया, जिला परिषद परवीन कुमार मिंदा, प्रधान भोपाल कटोच, कांग्रेस लीगल सेल के अध्यक्ष संदीप कटोच, प्रधान कुलबीर सिंह, खंड महासचिव कांग्रेस धर्मेंद्र धीमान, डॉ. विशाल ठाकुर, दिनेश शर्मा, अल्पसंख्यक अध्यक्ष मोहम्मद सलीम, विजय शर्मा, दीपक ठाकुर विशेष रूप से सम्मिलित हुए।
उपमंडल इंदौरा के तहत आते जल शक्ति विभाग के सब डिवीजन गंगथ में कुछ इलाके में लोगों को पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा, तो वहीं कुछ गांव के लोग पानी को सब्जियों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। विभाग की नाकामी के चलते यह सभी कार्य हो रहा है। कुछ लोग पानी को टुल्लू पंप से अपने खेतों में लगाई सब्जियों को पानी लगा रहे हैं। सब डवीजन गंगथ के तहत आते धरवाल, समाल, ठठोली, बेलपुर, सहोडा, गांवों में इस तरह के कारनामे को अंजाम दिया जा रहा है। गांव का लोग नलको से कई मीटर लंबी प्लास्टिक की पाइप डालकर खेतों में बनाए हुए गड्ढों को भरते हैं, फिर टुल्लू पंप के माध्यम से पानी को सब्जियों के खेतों में छोड़ते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती का जिला कांगड़ा के प्रवेश द्वार जयसिंहपुर उपमंडल के क्षेत्र आलमपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक रवि धीमान, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहिंद्र डडवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विनोद शर्मा, मंडल महामंत्री अजय पठानिया, जयसिंहपुर वार्ड के जिला परिषद संजीव ठाकुर, ग्राम पंचायत अलमापुर की प्रधान शकुंतला देवी, गन्दड की प्रधान विनता कटोच, बालरूपी के प्रधान सुनील चौधरी व सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सहायक अभियंता, विद्युत उपमंडल, सिद्धपुर कर्म चंद भारती ने सूचित किया है कि 11 केवी योल तथा 11 केवी खनियारा के तहत नई विद्युत लाइन निकालने के लिये 14 जून को प्रातः 9ः30 बजे से दोपहर 2 बजे तक सिद्धबाड़ी बाजार, योल बाजार, ग्योतो मोनेस्ट्री व नोरबुलिंगा क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि मौसम खराब होने या अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में यह कार्य स्थगित किया जा सकता है।
अक्तूबर-नवबंर में होने वाले आईसीसी वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान धर्मशाला के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को बड़े मैचों की मेजबानी करने का मौका मिलेगा। वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के अलावा आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड की टीमें धर्मशाला में अपने मुकाबले खेलेंगी। भारतीय टीम के एक मैच के अलावा अन्य मेहमान टीमों के मुकाबले धर्मशाला स्टेडियम में होंगे। जानकारी के मुताबिक भारत में होने वाले आईसीसी विश्व कप में धर्मशाला स्टेडियम को तीन से पांच मैचों की मेजबानी करने का मौका मिलेगा। पहला मैच 22 अक्तूबर को भारत और न्यूजीलैंड की टीम के साथ हो सकता है। अन्य मुकाबले मेहमान टीमों के बीच खेले जाएंगे। 29 अक्तूबर को न्यूजीलैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच खेलेगी। टूर्नामेंट में हर टीम अपने नौ-नौ मैच खेलेगी। इसके अलावा धर्मशाला में न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया की टीम इंग्लैंड टीम के साथ अपना मैच खेल सकती है। सूत्रों की मानें तो जल्द ही वर्ल्ड के मैचों का शेड्यूल आईसीसी की ओर जारी कर दिया जाएगा। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने भी अंदरखाते वर्ल्ड कप की तैयारियां शुरू कर दी हैं। एचपीसीए के सचिव अवनीश परमार ने कहा कि उम्मीद है कि धर्मशाला स्टेडियम को वर्ल्ड कप के तीन से अधिक मैचों की मेजबानी करने का मौका मिलेगा। एक मैच भारतीय टीम का भी होगा। उन्होंने कहा कि एसपीसीए हर टूर्नामेंट की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। मैदान की नई आउटफील्ड भी अच्छी है। आईपीएल मैचों के दौरान भी खिलाड़ियों ने पिच और आउटफील्ड को अच्छा बताया था।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) देने वाले अभ्यर्थियों को इस बार ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी भी मिलेगी। शिक्षा बोर्ड ने यह व्यवस्था जून-जुलाई में होने वाली सात विषयों की परीक्षा के दौरान की है। इससे पहले हुईं परीक्षाओं में ओएमआर शीट की डुप्लीकेट कॉपी देने की व्यवस्था नहीं थी। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि 18 जून से दो जुलाई तक होने वाली सात विषयों की अध्यापक पात्रता परीक्षा के दौरान बोर्ड ओएमआर शीट की डुप्लीकेट काॅपी अभ्यर्थियों को मुहैया करवाएगा। इन परीक्षाओं के दौरान प्रत्येक परीक्षा की समाप्ति पर केंद्र समन्वयक और केंद्र अधीक्षक के माध्यम से परीक्षार्थियों को उनकी ओएमआर शीट की डुप्लीकेट कॉपी दी जाएगी। इसके लिए बोर्ड ने इस बार विशेष ओएमआर उत्तरपुस्तिकाओं की व्यवस्था की है, ताकि परीक्षाओं में और अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। उल्लेखनीय है कि इससे पहले हुईं अध्यापक पात्रता परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की ओएमआर शीट की डुप्लीकेट कॉपी नहीं दी जाती थी।
हिमाचल सरकार भांग की वैध और वैज्ञानिक खेती पर प्रदेशवासियों की राय लेकर समाज और राज्य के व्यापक हित में बहुत जल्द कारगर नीति लाएगी। हिमाचल में भांग की वैध और वैज्ञानिक खेती पर अध्ययन को गठित विशेष समिति के अध्यक्ष एवं राजस्व, बागवानी व जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने यह उद्गार आज सोमवार को धर्मशाला में विभिन्न हितधारकों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा के लिए आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हिमाचल का वातावरण औषधीय गुणों से परिपूर्ण भांग के उत्पादन के लिए सहायक है। यहां उगने वाली भांग औषधीय और औद्योगिक दोनों प्रकार के काम में लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि समिति नीति निर्माण से पहले इस विषय पर खुली चर्चा से जनता की शंकाएं दूर करने और उनके सुझाव लेने के लिए प्रदेशभर में इस प्रकार के कार्यक्रम कर रही है। प्रदेश के लोगों से वार्तालाप कर नीति निर्धारण के लिए उनकी राय लेने का यह प्रदेश में पहला उदाहरण है। इसी क्रम में समिति ने सोमवार को धर्मशाला में विभिन्न हितधारकों और जनप्रतिनिधियों से विचार-विमर्श कर, इस विषय पर उनकी राय मांगी। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के नेतृत्व में गठित इस समिति ने डिग्री कॉलेज धर्मशाला के त्रिगर्त सभागार में इस विषय पर खुली चर्चा की। जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू पुरानी रिवायतों को छोड़, राज्य के आर्थिक विकास के लिए नए विचारों पर काम कर रहे हैं। उन्हांेने कहा कि सरकार लोगों की आर्थिकी सुदृढ़ करने के साथ युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के नए रास्ते अपना रही है। उन्होंने कहा कि भांग की वैज्ञानिक खेती से बनने वाले अनेकों उत्पादों का उपयोग आज हमारे देश सहित कई देशों में हो रहा है। आज विश्व के कई बड़े देश भांग की वैज्ञानिक खेती से धर्नाजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शोध के आधार पर भांग के ऐसे बीज तैयार किए जाएंगे जिसके पौधों में नशा नहीं होगा और औद्योगिक उपयोग के लिए उसकी खेती किसानों द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि कपड़े सहित अनेक प्रकार के उद्योगों में इसका उपयोग हो सकता है। वहीं औषधीय गुणों से परिपूर्ण भांग की खेती करने के लिए लाइसेंस दिए जाएंगे और नियंत्रित वातावरण में प्रशासकीय निगरानी में इसकी खेती की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जंगलों में भी बिना नशे वाले भांग के बीज डाले जाएंगे, जिनका उपयोग औद्योगिक उत्पादों के निर्माण के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मलाणा सहित कई क्षेत्रों में उगने वाली भांग सर्वोत्तम औषधीय गुणों से परिपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इनके उपयोग से बनने वाली औषधी की जीआई टैगिंग करवाने के लिए सरकार प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि यहां उगने वाली अच्छी क्वालिटी की भांग के बीजों को शोध के आधार पर प्रदेश अन्य हिस्सों में भी उगाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे बनने वाले औद्योगिक और औषधीय उत्पादों से प्रदेश की आर्थिकी सुदृढ़ होने के साथ, नशे के तौर पर इसके उपयोग पर चैक रखा जाएगा।
राजस्व, बागवानी व जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने सोमवार को मैकलोडगंज में बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा से उनके निवास पर भेंट की तथा उनका आशीर्वाद लिया। मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, विधायक केवल सिंह पठानिया, भांग की वैध खेती पर अध्ययन को गठित समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य देवेन खन्ना सहित समिति के अन्य पदाधिकारी उनके साथ रहे। राजस्व मंत्री ने दलाई लामा को अपने गृह क्षेत्र किन्नौर आने का आमंत्रण दिया। वहीं, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने दलाई लामा से अपने विधानसभा क्षेत्र कुल्लू आने का आग्रह किया। दलाई लामा ने अपनी चिरपरिचित मुस्कुराहट के साथ दोनों आमंत्रण सहर्ष स्वीकार किए। बता दें, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा राजस्व, बागवानी व जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी के नेतृत्व में प्रदेश में भांग की वैध और वैज्ञानिक खेती पर अध्ययन को गठित समिति सोमवार को धर्मशाला दौरे पर थी। इस दौरान धर्मशाला में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम से पहले सोमवार सुबह समिति अध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों ने मैकलोडगंज में बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा से भेंट की।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब जगत प्रकाश नड्डा वेस्ट बंगाल जाते हैं तो उनके काफिले पर पत्थर फेंके जाते हैं पर जब वह हिमाचल प्रदेश आए हैं तो उनके ऊपर इतनी पुष्प वर्षा हुई है इससे साफ दिखता है कि हिमाचल की जनता जगत प्रकाश नड्डा से कितना प्यार करती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी झूठी गारटियों के दम पर सत्ता में आई है। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने तो गोबर खरीदने का वादा भी हिमाचल प्रदेश की जनता से किया है पर हिमाचल प्रदेश की जनता को पता है कि गोबर का क्या करना है। उन्होंने कहा की हिमाचल में कांग्रेस की सरकार कुप्रबंधन की सरकार है, आज हिमाचल प्रदेश पर कितना कर है वह सबको पता है और अब तो 1000 करोड़ का ओवरड्राफ्ट भी हिमाचल प्रदेश में चल रहा है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भले ही एक छोटा प्रदेश है पर बहुत महत्वपूर्ण है, हिमाचल प्रदेश से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्र मंत्री अनुराग ठाकुर आते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को बहुत बड़ी सौगाते दी है जिसमें अटल टनल, एम्स आई आई टी, आई आई एम है। उन्होंने कहा कि इस कांग्रेस सरकार ने अपने 6 महीने के कार्यकाल में केवल संस्थाओं पर ताला लगाने का काम किया है, आज पूरे प्रदेश में माफिया राज चल रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं है और एक ऐसा भी समय आ सकता है जब कर्मचारियों को उनका वेतन भी नहीं मिलेगा।
नूरपुर में भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ# राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल के सपूत है और इनका हिमाचल से बहुत गहरा नाता है। उन्होंने कहा आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरी है और इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का बहुत बड़ा योगदान है। बिंदल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का हिमाचल प्रदेश को 3 दिन का समय देने के लिए धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश की 2 बड़ी रैलियों को संबोधित करेंगे, यह हमारा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा के हमारे सभी कार्यकर्ता अथक मेहनत कर रहे हैं और हम सभी संगठन के कार्य को धरातल तक ले जाएंगे इसके लिए हमारे सारे कार्यकर्ता अग्रिम भूमिका निभा रहे हैं। मोदी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर ,महा संपर्क अभियान के चलते 800000 परिवारों से संपर्क साधने का काम भाजपा करने जा रही है और आने वाले 2024 के लोकसभा चुनावों में हमारे कार्यकर्ता अग्रिम भूमिका निभाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र घर घर पहुंचाएंगे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने नूरपुर जिला भाजपा कार्यालय ‘दीपकमल’, गांव भालेटा, पोस्ट जसूर, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा में दो जिला भाजपा कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन किया। पहला संगठनात्मक जिला नूरपुर का कार्यालय और दूसरा कार्यालय संगठनात्मक जिला पालमपुर का है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का जिला नूरपुर के भाजपा कार्यालय पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा में इस मौके पर दोनों जिला कार्यालयों की पट्टिकाओ का अनावरण किया और दोनों कार्यालय कार्यकर्ताओं को अर्पित किए। इस मौके पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सभी कार्यकर्ताओं को इन भव्य जिला कार्यालयों के निर्माण पर भी बधाई दी। इस अवसर पर भाजपा जिला कांगड़ा के दिग्गज नेता रहे मौजूद।
देश में कई मौके ऐसे आएं है जब सरकारों ने अपने पक्ष में माहौल देखकर समय से पहले चुनाव करवा दिए। क्या आगामी लोकसभा चुनाव भी अपने तय वक्त से पहले हो सकते हैं, ये सवाल इन दिनों सियासी गलियारों में खूब गूंज रहा है। दरअसल, इसी साल के अंत में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने है। क्या मोदी सरकार इन्हीं के साथ लोकसभा चुनाव करवाने पर विचार कर रही है? क्या सरकार का नौ साल की उपलब्धियों के प्रचार में ताकत झोंकना इसका संकेत है? ये अहम सवाल है। 'सेवा सुशासन और गरीब कल्याण' के नारे के साथ भाजपा आक्रामक तरीके से मैदान में उतर चुकी है, मानो चुनाव की घोषणा हो चुकी हो। संभवतः सरकार और पार्टी के शीर्ष स्तर पर लोकसभा चुनावों को लेकर गंभीर मंथन हो रहा है। बीते 6 महीनो में हिमाचल प्रदेश और कर्णाटक में सत्ता से बेदखल हुई भाजपा निश्चित तौर पर आत्ममंथन जरूर कर रही होगी। हालांकि पूर्वोत्तर के नतीजों ने भाजपा को कुछ उत्साहित जरूर किया है। पर पार्टी को इस बात का भी इल्म है कि बीते कुछ समय में कांग्रेस पहले से ज्यादा नियोजित दिख रही है और एंटी इंकम्बैंसी को पूरी तरह खारिज करना भी गलत होगा। ये कहना गलत नहीं होगा कि भाजपा कुछ असहज है। ऐसे में भाजपा के रणनीतिकारों को सोचने की जरुरत है। बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव इसी साल नवंबर-दिसंबर में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के साथ कराने का विचार हो रहा है। इसके पीछे एक तर्क ये हो सकता हैं कि विपक्ष अपनी तैयारी अगले साल मार्च-अप्रैल के हिसाब से कर रहा है और उसे समय नहीं मिलेगा। एक तर्क ये भी हैं कि अगर विधानसभा चुनावों में भाजपा को अनुकूल नतीजे नहीं मिले तो कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर नहीं होगा, बल्कि अगर दोनों चुनाव साथ हो जाते हैं, तो पीएम मोदी की लोकप्रियता का लाभ राज्यों के चुनावों में भी होगा। मुद्दे भांप रही हैं भाजपा ! कांग्रेस और भाजपा, दोनों तरफ सियासी पैंतरेबाजी तेज हो चुकी है। अगला लोकसभा चुनाव अमीर बनाम गरीब, हिंदुत्व बनाम सामाजिक न्याय और बेतहाशा बढ़ी अमीरी के मुकाबले गरीबी रेखा के नीचे की आबादी में बढ़ोत्तरी जैसे मुद्दों के बीच देखने को मिल सकता हैं। जातीय जनगणना भी बड़ा मुद्दा बन सकती हैं। शायद भाजपा इसे समझ रही हैं और ऐसे में जल्द चुनाव से इंकार नहीं किया जा सकता। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का फीडबैक भी कारण ! मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ से मिलने वाले फीड बैक भाजपा के लिए अच्छा नहीं बताया जा रहा है। राजस्थान में जरूर पार्टी अशोक गहलोत बनाम सचिन पायलट के झगड़े में लाभ तलश रही हैं लेकिन वसुंधरा राजे अगर नहीं साधी गई, तो मुश्किलें शायद भाजपा के लिए अधिक हो। उधर गहलोत सरकार की लोकलुभावन योजनाओं को भी खारिज नहीं किया जा सकता। इसी तरह बिहार, प. बंगाल और महाराष्ट्र में पिछले लोकसभा चुनावों के प्रदर्शन को न दोहरा पाने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
हिमाचल सरकार द्वारा भांग की वैध और वैज्ञानिक खेती को लेकर अध्ययन को लेकर गठित विशेष समिति 12 जून सोमवार को धर्मशाला के दौरे पर रहेगी। जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि बागवानी व राजस्व मंत्री श्री जगत सिंह नेगी के नेतृत्व में गठित यह समिति सोमवार को प्रात: साढ़े 10 बजे धर्मशाला डिग्री कॉलेज के सभागार में विभिन्न हितधारकों, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर भांग की खेती से जुड़े विविध पहलुओं पर विस्तृत चर्चा करेगी। जिलाधीश ने सभी संबंधित अधिकारियों को सुबह सवा दस बजे सभागार में पहुंचने को कहा है।
तीसरी रैपिड शतरंज चैंपियनशिप शानदार सफलता के साथ संपन्न हुई। इसमें डीएवी भड़ोली के खिलाड़ियों ने अपने असाधारण कौशल का प्रदर्शन किया और कई श्रेणियों में जीत हासिल की। प्रिंसिपल सुरजीत राणा के मार्गदर्शन में, जिनके अटूट समर्थन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, स्कूल शतरंज के क्षेत्र में एक ताकत के रूप में उभरा। आदित्य सोनी ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि लड़कियों के वर्ग में शेरिया गुलेरिया ने जीत दर्ज की। रसेश गुलेरिया और शेरिया गुलेरिया ने अंडर-15 गु्रप में अपना जलवा दिखाया। अंडर-11 वर्ग में अद्विक शर्मा और अनवी विजेता बने, जबकि अंडर-13 वर्ग में ऋत्विक बन्याल और यश्वी ठाकुर ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से सक्षम सहगल और अनन्या ठाकुर ने अंडर-9 डिवीजन में अपना दबदबा कायम रखा। प्रतियोगिता में विवेका फाउंडेशन भवरना, पारस सेन सेक पब्लिक स्कूल भवरना, आरएनटी ज्वालाजी, शिवालिक ज्वालाजी, डीएवी आलमपुर, डीएवी कांगू, डीएवी देहरा के 158 खिलाड़ियों ने भाग लिया। टूर्नामेंट निदेशक अनूप शर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। मुख्य आर्बिटर किशन चंद और डिप्टी चीफ आर्बिटर नैन्सी पटियाल ने मैचों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित किया, जबकि आयोजन सचिव सारिका ठाकुर और मीडिया प्रवक्ता अंकु वालिया ने आयोजन के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के प्रायोजन ने शतरंज को बढ़ावा देने की उनकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए चैंपियनशिप में प्रतिष्ठा बढ़ाई। चैंपियनशिप ने शतरंज के प्रति उत्साही और व्यापक जनता का समान रूप से ध्यान आकर्षित किया, रोमांचकारी मुकाबलों में प्रतिभागियों द्वारा प्रदर्शित समर्पण और दृढ़ संकल्प का जश्न मनाया। सभी श्रेणियों में डीएवी भड़ोली का उत्कृष्ट प्रदर्शन खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने में प्रिंसिपल सुरजीत राणा के सहयोग की प्रभावशीलता को दर्शाता है। उनकी उपलब्धियों ने शतरंज के क्षेत्र में एक बिजलीघर के रूप में स्कूल की प्रतिष्ठा को मजबूत किया।
गुरु रविदास महासभा देहरा खंड के चुनाव गुरु रविदास गुरुद्वारा देहरा में संपन्न हुए। गुरु रविदास महासभा देहरा खंड प्रधान नवल किशोर की अध्यक्षता में समस्त कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन गुरु रविदास गुरुद्वारा देहरा में किया गया इस मौके पर बैठक में जिला के नियुक्त चुनाव प्रभारी दिनेश कुमार राजकुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे जिनकी अगुवाई में यह चुनाव संपन्न हुए। खंड प्रधान नवल किशोर द्वारा संबोधन किया गया तथा पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने का ऐलान किया गया। चुनाव प्रक्रिया शुरू करने से पहले पूर्व में कार्यकारिणी द्वारा किए गए आय-व्यय का ब्यौरा आए हुए पदाधिकारियों तथा गणमान्य व्यक्तियों के समक्ष रखा गया। जिला द्वारा नियुक्त किए गए चुनाव अधिकारियों द्वारा चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई जिसमें मुख्य संरक्षक पद के लिए नवल किशोर को चुना गया। संरक्षक पद के लिए ओंकार चंद को चुना गया। मुख्य सलाहकार पद के लिए हरबंस लाल तथा सलाहकार पद के लिए लखविंदर सिंह को चुना गया। तथा प्रधान पद के लिए नवल कुमार की जगह राकेश कुमार को चुना गया। उप प्रधान पद के लिए ज्ञान चंद सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के लिए किशोरीलाल को चुना गया। तथा सचिव पद के लिए भेटेहड बसा से विजय कुमार को चुना गया। कोषाध्यक्ष पद के लिए पवन कुमार को चुना गया। तथा प्रेस सचिव के लिए बाबू राम को चुना गया। इस मौके पर हरबंस लाल किशोरी लाल हरबंस सिंह ओंकार सिंह किक्कर सिंह नवल किशोर प्रीतम संधू प्यार चंद राजकुमार रतन चंद विजय कुमार प्रमोद सिंह व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे सभी ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई दी।
राज्य सरकार ने जिला कांगड़ा के टांडा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में दो रोबोटिक कैथलैब स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में कॉलेज प्रशासन को विस्तृत प्रस्ताव देने को कहा गया है। रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत कर राज्य में आधुनिक स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने की दिशा में यह पहला कदम है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में आधुनिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल चमियाना में भी रोबोटिक सर्जरी सुविधाएं शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इन संस्थानों से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) प्राप्त हुई है, जिसकी विशेषज्ञों द्वारा जांच की जा रही है। इस उद्देेश्य के लिए सैद्धांतिक रूप से 30 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं और राज्य सरकार इसके लिए पर्याप्त धनराशि प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा प्रक्रियाओं के संचालन में रोबोटिक कैथलैब क्रांति ला सकती है। रोबोटिक्स तकनीक का उपयोग सर्जरी के दौरान सटीकता, बेहतर दृष्टि और अधिक नियंत्रण प्रदान कर सकता है। इससे सर्जरी के दौरान जटिलताओं में कमी आएगी और रोगी शीघ्र स्वस्थ होंगे। उन्होंने कहा कि कैथलैब एक विशेष चिकित्सा सुविधा है, जो मुख्य रूप से कार्डियोलॉजी (हृदय रोग विज्ञान) के क्षेत्र में मिनिमली इन्वेसिव सर्जरी के लिए इमेजिंग तकनीक का उपयोग करती है। कैथलैब में रोबोटिक तकनीक को शामिल कर सर्जरी के दौरान सटीकता और दक्षता में काफी वृद्धि की जा सकती है, जो रोगियों, चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों के लिए फायदेमंद होगी। राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए सरकार आधुनिक चिकित्सा तकनीक में निवेश करने की योजना बना रही है, जो दो उद्देश्यों की पूर्ति करेगी। प्रथम उद्देश्य के तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि राज्य के लोगों को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में नवीनतम चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हों। दूसरे उद्देश्य के अंतर्गत राज्य में चिकित्सा उपचार के इच्छुक आगंतुकों को आकर्षित करने के लिए स्वास्थ्य पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके परिणामस्वरूप राज्य सरकार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करते हुए राजस्व भी उत्पन्न करेगी।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को ज्वालामुखी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रहे विकास कार्यों का सिलसिलेवार ब्योरा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह ज्वालामुखी में जल शक्ति, परिवहन, सहकारिता तथा भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के अधिकारियों से बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। उपमुख्यमंत्री ने इस दौरान सभी विभागों के अधिकारियों से लोकहित को ध्यान में रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिये। जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रही 1067 करोड़ की परियोजनाएं उप मुख्यमंत्री ने जिले में चल रहे जल शक्ति विभाग के कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को प्रत्येक कार्य को पूर्ण गंभीरता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में जल जीवन मिशन के तहत 1067 करोड़ की लागत से 227 परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में भी जल शक्ति विभाग की महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि ज्वालामुखी के साथ लगते क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत लगभग 38 करोड़ की परियोजनाएं आने वाले एक महिने में पूर्ण कर दिए जाएंगे। ई-वाहनों को दिया जा रहा प्रोत्साहन मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल को हरित राज्य बनाने का लक्ष्य लिया है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु राज्य को 'मॉडल स्टेट फ़ॉर इलेक्ट्रिक व्हीकल्सÓ के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके तहत निजि एवम् सरकारी क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। जिले में तीन ग्रीन कॉरिडोर में बनेंगे 19 चार्जिंग स्टेशन उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा प्रथम चरण में छ: राष्ट्रीय तथा राज्य उच्च मार्गों को ई-वाहनों के माध्यम से ग्रीन कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके तहत राजमार्गों पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में ग्रीन कॉरिडोर के अन्तर्गत पड़ने वाले तीन राजमार्गों पर प्रथम चरण में 19 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिसके लिये स्थान का चयन कर लिया गया है। यह चार्जिंग स्टेशन परवाणू-नालागढ़-ऊना-हमीरपुर-देहरा-अंब-मुबारकपुर-संसापुर टैरेस - नूरपुर, शिमला-बिलासपुर-हमीरपुर-कांगड़ा-नूरपुर-बनीखेत-चंबा और मंडी-जोगिंदर नगर-पालमपुर-धर्मशाला-कांगड़ा-पठानकोट राजमार्ग पर ग्रीण कॉरिडोर में स्थापित किए जाएंगे।
राजकीय प्राथमिक खंड ब्लॉक रक्कड़ के मल्टी टास्क वर्कर गठन के लिए बैठक रक्कड़ में शनिवार को की गई। इसमें अपनी यूनियन का गठन किया, जिसमें राकेश कुमार की अध्यक्षता में सर्वसम्मति से प्रधान पद पर जगदेव को चुना गया और लता कुमारी को उपप्रधान, सचिव सुनील कुमार, कोषाध्यक्ष सुमन, प्रवक्ता प्रेमलता, मीडिया सलाहकार राहुल शर्मा, कार्यकारणी सदस्य अनिल कुमार, अनिता, ऊषा रानी, सुलेखा, सुनीता ,रीना को सदस्यों कार्यकारिणी की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं नवनियुक्त प्रधान जगदेव सिंह ने कहा कि सदस्यों की सहमति से हर माह सौ रुपये सद्स्य शुल्क लिया जाएगा और मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे मल्टी टास्क वर्कर के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।
डाडासीबा में शनिवार को व्यापार मंडल प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा की अध्यक्षता में डाडा सीबा पुलिस चौकी सब इंस्पेक्टर एवं चौकी प्रभारी किशोर चंद् दूसरी बार पुलिस चौकी प्रभारी होने पर पर व्यापारियों द्वारा फूल का गुलदस्ता देखकर सम्मानित किया गया इस मौके पर डाडा सीबा पंचायत के उपप्रधान परमेश्वरी दास, पूर्व प्रधान धर्मचंद, पूर्व उप प्रधान सूरम सिंह, रितेश शर्मा ,सरदार जितेंद्र सिंह ,राजेंद्र सिंह ,विक्रम कवंर, रजत सूद ,मोनू शर्मा, मनीष शर्मा ,अजय कुमार, आकाश ,उत्तम फौजी, राजकुमार, महिंद्र वालिया ,बलवीर, सनी, शिवाय, रिंकू मेहरा ,पवन शर्मा व सतीश चौधरी इस मौके पर उपस्थित रहे।
हाथी तो बहुत बलवान होता है पर अपनी दुर्बलता के कारण अपने से कम ताकत वाले महावत को पीठ पर बैठाकर दर-दर की भीख मांगता रहता है। हम सब की भी कहानी कुछ ऐसी ही है। अपने आत्मबल को न जान कर मन की आकांक्षाओं के गुलाम बन ठोकरें खाते रहते हैं। परमात्मा हमसे दूर नहीं है। इस तथ्य का बोध न होने के कारण ही हम उन्हें दूर एवं अलग समझते हैं। मनुष्य ईश्वर से अनिभिज्ञ है फिर भी अपने को चतुर समझता है। यही उसकी सबसे बड़ी कमी है। उक्त वचन श्रीमद् भागवत कथा के षष्ठम दिवस में परम श्रद्धेय स्वामी अतुल कृष्ण महाराज ने रक्कड़ में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रभु में लगन लगनी चाहिए तभी साधना सफल होगी। हमारा निश्चय हो जाय कि हम कभी अकेले नहीं हैं, सर्वशक्तिमान प्रभु सदैव हमारे साथ है। धर्म सम्मत जीवन हमें यशस्वी बनाता है जबकि मनमर्जी का व्यवहार परेशानियां एवं मुसीबतें देता है। कीट-पतंगे देखते हैं कि हमारे कितने साथी दीपक की रोशनी में जल मरे फिर भी वह दिए की लौ में अपने को झोंक देता है। ऐसे ही मछली, भ्रमर, मृग एवं हाथी अपनी-अपनी कमजोरियों के कारण विपत्ति मोल ले लेते हैं। सत्संग एवं भगवान की पावन कथा हमें प्रज्ञावान बनाती है। महाराजश्री ने कहा कि हम भगवान की इच्छा में अपनी इच्छा को मिला कर आगे बढ़ेंगे तो अधिक आनंद में रहेंगे। जब तक जिन्दगी है कभी काम से फुर्सत नहीं मिलेगी। इन्हीं उलझनों में हरि भजन के लिए भी समय निकालना पड़ेगा। जो हो रहा है अच्छा हो रहा है, जो होगा अच्छा ही होगा और जो हुआ अच्छा ही हुआ। यदि गीता का यह दिव्य ज्ञान बुद्धि में स्थिर हो सके तो जीवन की सारी खटपट ही मिट जाय। आज कथा में भगवान श्रीकृष्ण की अनेक बाल लीलाएं, महारास, कंस-वध एवं श्रीरुक्मिणि विवाह का प्रसंग सभी ने अत्यंत तन्मयता से सुना। इस अवसर पर अनेक मनमोहक झांकियां निकाली गईं एवं लोगों ने ब्रज की होली का भी आनंद लिया।
जसवां-परागपुर विधानसभा के तहत सवाणा गांव की प्रियंका चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पीएचडी की डिग्री सौंपी। विजय शर्मा और सुषमा शर्मा की बेटी प्रियंका शर्मा ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से पीएचडी की डिग्री हासिल की है। यह डिग्री केमिस्ट्री विषय में हासिल की है। प्रियंका शुरू से ही पढ़ने में होशियार थी। राजकीय महाविद्यालय ढलियारा मे बीएससी की डिग्री लेने के बाद हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से से बीएड की डिग्री हासिल की इसके बाद एमएससी केमिस्ट्री की डिग्री हासिल की। इसके बाद एमए एजुकेशन और यूजीसी नेट करने के बाद अब चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से पीएचडी की डिग्री हासिल की है। प्रियंका ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है और कहा कि मुझे माता-पिता और अपने भाई प्रिंकल पराशर शर्मा का काफी सहयोग रहा, जिसके कारण में आज पीएचडी की डिग्री हासिल कर सकी हूं।
उपमंडल ज्वालामुखी के अंतर्गत बानू द खू में शनिवार को उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के काफिले में जिला पायलट की बलेरो गाड़ी के साथ एक अन्य कार टकरा गई। हादसे में कार चालक अमोल शर्मा (33) निवासी दरंग, तहसील ज्वालामुखी को मामूली चोटें आई हैं, जिसका सिविल अस्पताल ज्वालामुखी में उपचार चल है। वहीं, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी अस्पताल पहुंचकर अमोल का कुशल क्षेम जाना। मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने की है।
ज्वालामुखी उपमंडल की तहसील ज्वालामुखी में रहने वाली बेटी वंशिका गोस्वामी ने 66 नेशनल स्कूल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश का नेतृत्व किया 66 नेशनल स्कूल अंडर 19 गेम्स जो की भोपाल में हुई। इसमें वंशिका गोस्वामी ने हिमाचल प्रदेश का नेतृत्व करके बॉक्सिंग में लोहा मनवा कर ज्वालामुखी ही नहीं बल्कि सारे हिमाचल का नाम रोशन किया है। वंशिका गोस्वामी ने अपने गुरु और अपने माता पिता को सफलता का श्रेय दिया है वंशिका के पिता जो को हिमाचल पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे है, वंशिका के दादा दीप राज गोस्वामी, दादी माया गोस्वामी ने कहा है की बेटियों को आगे बढ़ाना चाहिए और उन्हें पूर्ण रूप से सक्षम और साहसिक होना चाहिए शशिकांत गोस्वामी ने संदेश दिया है की बेटी भी वो कार्य कर सकती है जो बेटा करता है उन्होंने कहा मुझे अपनी बेटी पर गर्व है और भविष्य में सिल्वर की जगह गोल्ड मेडल जीतने का दावा किया। ज्वालामुखी विधायक संजय रत्न ने दी बधाई ज्वालामुखी विधायक संजय रत्न ने बेटी वंशिका को बधाई दी है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की इस मौके पर उनके साथ एसडीएम ज्वालामुखी संजीव शर्मा, डीएसपी विकास धीमान और वंशिका के पिता शशिकांत गोस्वामी मौके पर मौजूद रहे।
विद्युत उपमंडल चड़ी के सहायक अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि 12 जून को 11 केवी चड़ी फीडर लाइन की मुरम्मत का कार्य किया जाना है। जिसके चलते विद्युत उपमंडल चड़ी के अन्तर्गत गांव चड़ी, मैटी, डडियाला, डढम्भ, थरोट, राख, भटेच्छ, टुण्डु, ठारू और साथ लगते क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक अथवा कार्य समाप्ति तक बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में यह कार्य अगले दिल किया जाएगा, लोगों से सहयोग की अपेक्षा है।
विद्युत उपमंडल सिद्धपुर के सहायक अभियंता कर्म चंद भारती ने उपमंडल सिद्धपुर (योल) के अधीन आने वाले सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि किसी उपभोक्ता को समय पर बिजली बिल प्राप्त नहीं हो रहा या बिजली बिल से संबंधित कोई शिकायत है तो उपभोक्ता उनके कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता कार्यालय दूरभाष 01892-246394 या ईमेल esdsidhpur@gmail.com पर भी बिल से संबंधित शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से यह भी अपील की है कि अपने बिजली के बिल लंबित न रखें और समय से उनका भुगतान करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि बिजली के बिल बिजली बोर्ड की वेबसाइट या पेमेंट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भी जमा करवाए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि समय पर बिल अदा न करने की स्थिति में बिना आगामी सूचना के नियमानुसार विद्युत कनेक्शन काट दिया जाएगा।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा में भारत सरकार द्वारा निर्मित जी-20 फोरम के अंतर्गत जनभागीदारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत शर्मा ने बताया कि भारत एवं राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान पांच अलग-अलग विषयों पर कॉलेज परिसर में कार्यशालाएं एवं संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसके अंतर्गत आज के प्रथम सत्र में डॉ मोनिका देवी द्वारा अंतरराष्ट्रीय आर्थिक एवं प्रशासनिक विषय पर संगोष्ठी चित्रकला एवं काव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बीएड के सभी छात्रों ने इस पर अलग-अलग माध्यमों से विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में डॉ. ईशा शर्मा ने वैश्विक स्तर पर जी-20 के माध्यम से भारत की हिस्सेदारी व भूमिका पर अपना वक्तव्य रखा एवं अंतरराष्ट्रीय आर्थिक मुद्दों एवं समस्याओं पर प्रशिक्षु छात्रों को प्रशिक्षित किया। इस दौरान प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जे. एस पटियाल व अध्यापक भी वहां पर उपस्थित रहे।
पुलिस चौकी सीबा के अंतर्गत शुक्रवार सुबह एक युवक बाइक पर गुराला से डाडासीबा की ओर आ रहा था कि बलघार मोड़ पर अचानक बाइक स्किड होने से वह बाइक सहित सड़क से नीचे गिर गया। ग्रामीणों ने जख्मी हालत में उसे डाडासीबा अस्पताल पहुंचाया। युवक की पहचान अजय कुमार उम्र 30 वर्ष पुत्र जगदीश चंद निवासी गांव निचला गुराला पंचायत लंडियारा निवासी के रूप में हुई है। उपचार के बाद युवक को छुट्टी दे दी गई है। इस संबंध में डाडासीबा चौकी प्रभारी किशोर चंद से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विधानसभा क्षेत्र जयसिंहपुर में आज एसडीएम कर्यालय के सभाकार कक्ष में सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग व हिमाचल प्रदेश के अधीन तहसील कल्याण अधिकारी जयसिंहपुर द्वारा अनुवर्ती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जयसिंहपुर के विधायक यादविंदर गोमा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने 123 पात्र लाभार्थियों को अनुवर्ती कार्यक्रम के तहत सिलाई मशीन भेंट की गयीं। वहीँ, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत 60 भवनों के कागजात वितरित किए। मुख्य अतिथि का स्वागत समाजिक एवं अधिकारिता विभाग द्वारा गोमा को शाल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जयसिंहपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महिंदर डडवाल, तसीलदार अभिषेक भास्कर संजय डोगरा अभिषेक सूद के साथ अन्य लोग भी मौजूद रहे।
विधानसभा जयसिंहपुर क्षेत्र के पंचरुखी में आज बीडीओ के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को पंचरुखी में कचरा निस्पादन संयंत्र लगाने के लिए ज्ञापन सौंपा गया। गौर रहे कि पंचरुखी में कचरा के निष्पादन की कोई व्यवस्था ना होने के कारण पंचरुखी शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिस कारण गंदी बदबू चली रहती है तथा बीमारियों के फैलने की आकांक्षा सदैव बनी रहती है। समाज सेवी किसान नेता मंजीत डोगरा ने बताया कि पंचरुखी में धार्मिक पयर्टन स्थल है और पंचरुखी के गेट दुआर के पास कुड़े के ढेर लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस समस्या का तुरंत समाधान करे, ताकि लोगों को पंचरुखी में गंदी बदबू से निजात मिले। इस अवसर पर जिला पार्षद संतोष शर्मा, रमेश कुमार, पूर्व प्रधान रजिंदर कुमार पंचरुखी के अन्य बुद्धिजीवी लोग मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने तंज कसते हुए कहा कि सुक्खू सरकार अपनी गारंटियां पूरी न कर पाने का ठीकरा केंद्र के सिर फोड़ रही है। जिला कांगड़ा दौरे पर आए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं 1500 रुपये का इंतजार कर रही हैं। पहली कैबिनेट में यह करेंगे, वो करेंगे, कहने वाली सरकार के छह माह का कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन अब गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की बात कही जा रही है, वो चरण न जाने कब आएगा। इस अवसर पर विधायक पवन काजल, सांसद किशन कपूर, पूर्व मंत्री सरवीन चौधरी, जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण नाग सहित अन्य मौजूद रहे। शुक्रवार को सर्किट हाउस धर्मशाला में प्रेसवार्ता में डा. बिंदल ने कहा कि सरकार कांग्रेस की है तो जवाबदेही भी बनती है। ऐसा लगता है कि गारंटियों की जिम्मेवारी से सरकार भाग रही है। प्रदेश में सरकार की गारंटियों से दीवारें रंगी हुई हैं और गारंटियों के वीडियो लोगों के मोबाइल में कैद हैं। सत्ता पक्ष द्वारा केंद्र की ओर से प्रदेश के फंड रोकने के सवाल पर डा. बिंदल ने कहा कि शायद सरकार भूल रही है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का तीसरा व चौथा चरण जो बंद हो चुका था, उसे प्रदेश के लिए पीएम मोदी ने पुन: शुरू किया है। जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश में पेयजल योजनाओं के कार्य भी केंद्र के सहयोग से चल रहे हैं। जनता को सड़कों, बिजली, पानी की सुविधा देने और गारंटियां पूरी न कर पाने पर अब सरकार इसका ठीकरा केंद्र के सिर फोड़ रही है।
मंडी की सांसद और कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने डेढ़ साल के कार्यकाल में सांसद निधि से पांच करोड़ 31 लाख 65 हजार की राशि स्वीकृत की है। खास बात यह है कि नेताप्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र में भी 35 लाख 30 हजार रुपए के विकास कार्य सांसद निधि से पूरे किए गए हैं, जबकि सबसे अधिक धनराशि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में खर्च हुई है। रामपुर में प्रतिभा सिंह ने 56 लाख 50 हजार रुपए अलग-अलग विकासात्मक गतिविधियों को पूरा करने के लिए सांसद निधि से दिए हैं। मंडी के सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों की बात करें तो मनाली को 43.20 लाख, आनी को 35 लाख, लाहुल-स्पीति को 35.70 लाख, भरमौर को 39.50 लाख, जोगिंदरनगर को 27 लाख, कुल्लू को 42 लाख, किन्नौर को 16.95 लाख, मंडी सदर को 32.50 लाख, सरकाघाट को 15 लाख, द्रंग को 35 लाख, सराज को 35.30 लाख, बल्ह को 35 लाख, सुंदरनगर को 12 लाख, नाचन को 31.50 लाख, करसोग 38.85 लाख, बंजार को 12.15 लाख और रामपुर को 56.50 लाख रुपए की विकास योजनाओं को मंजूरी दी है। प्रतिभा सिंह ने हाल ही में लाहुल-स्पीति में 10 बड़ी योजनाओं को 22 लाख 50 हजार रुपए जारी किए हैं। यह धनराशि सांसद निधि से जारी की गई है। प्रतिभा सिंह के राजनीतिक सचिव अमित पाल सिंह ने बताया कि सांसद प्रतिभा सिंह ने इस संदर्भ में मंडी संसदीय क्षेत्र के उपायुक्त, जो इस संसदीय क्षेत्र के नोडल अधिकारी भी हैं, को इस राशि का स्वीकृति पत्र भेज दिया है। इन विकास योजनाओं के तहत केलांग खंड के तोजिंग ग्राम पंचायत में सिंचाई योजना, खंगसर टिनान में साइफन सिंचाई योजना, कारिंग गांव की सिंचाई योजना को तीन-तीन लाख स्वीकृत किए हैं।
परागपुर विकास खंड की घियोरी पंचायत प्रधान पूनम धीमान "भारतीय राजनीति के माध्यम से राष्ट्र विकास और महिलाओं के समक्ष चुनौतियां" विषय पर महिलाओं का पक्ष प्रस्तुत करेंगी। इंडियन स्कूल आफ डेमोक्रेसी नई दिल्ली द्वारा चार दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश भर से 42 महिला जनप्रतिनिधि भाग लेंगी। इस संदर्भ में प्रधान पूनम धीमान ने बताया कि महिलाएं परिवार बनाती है। परिवार से घर,समाज और देश बनता है। देश प्रदेश में 50% महिला मतदाता होने के वावजूद भी महिलाओं को देश की संसद व प्रदेश की विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व नही मिलता है। पूनम धीमान ने बताया की 2013 तक देश की संसद में 11% महिला संसद लोकसभा में व 10.6%महिला सांसद राज्यसभा में थीं जो 2021 तक लोकसभा में महिला संसद 10.5% रह गंई,तो राज्यसभा में 9% सांसद महिलाएं रह गईं। पूनम धीमान ने बताया की वर्तमान में 78 महिला सांसद लोकसभा में हैं तो 24 सांसद राज्यसभा में महिलाएं हैं। हिमाचल प्रदेश की स्थिति की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया की 2022 प्रदेश विधानसभा चुनावों में मात्र 24 महिला प्रत्याशी मैदान में थी। भाजपा ने 6 आप ने 5 व कांग्रेस से 3 महिलाओं को ही टिकट दिया था। आज प्रदेश के 68 विधायकों में एक मात्र महिला विधायक रीना कश्यप ही हैं। प्रधान पूनम धीमान ने कहा कि 2009 में संविधान के अनुच्छेद 243 में संशोधन कर पंचायती राज में महिला आरक्षण 33% से वड़ाकर 50% किया था। जिसके परिणाम स्वरूप आज देश भर में 15 लाख जनप्रतिनिधि महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सहभागिता राजनीति में बड़नी चाहिए इसके लिए सभी राजनीतिक दलों को सकारात्मक प्रयास करने होंगे।


















































