ख्वाजा पीर बाबा मेला दंगल चटवाल प्रतियोगिता में अमृतसर के प्रिंस पहलवान ने ख़िताब पर अपना कब्ज़ा जमाया। दंगल में पहलवानो ने जोरदार प्रदर्शन के बलबूते लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। दंगल के फाइनल राउंड की भिड़ंत प्रिंस अमृतसर के पहलवान और अली होशियारपुर के बीच हुई। इसमें प्रिंस पहलवान ने अपने प्रतिद्वंदी को हराकर ख़िताब अपने नाम कर लिया। इससे पूर्व प्रथम व द्वितीय सेमीफाइनल काफी जोरदार रहे। दंगल का शुभारंभ पूर्व कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष ठाकुर सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने किया। दंगल कमेटी के अध्यक्ष सुखदेव सिंह ने मुख्य अतिथि का दंगल में पहुंचने पर स्वागत किया और उन्हें शाल व टोपी पहना कर सम्मानित किया। इस दंगल के विजेता पहलवान व उपविजेता को कमेटी की तरफ से 5100 रुपये इनाम दिया गया।
डाडासीबा के तहत संसारपुर टैरस इंडस्ट्री एरिया में चंदन तस्कर गिरोह सक्रिय हो गया है। चंदन के 10 पेड़ों को काटकर ले जाने की शिकायत संसारपुर टैरस चौकी में की गई है। संसारपुर टैरस के साथ ही पंजाब का एरिया लगता है। डाडासीबा वन परिक्षेत्र अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले दो दिन पहले चंदन तस्कर फॉरेस्ट एरिया के जंगल में उगे चंदन के 10 पेड़ काटकर ले गए। उन्होंने कहा पिछले दो दिन पहले चंदन के 10 पेड़ों के तने को काटकर शातिर ले गए थे। टहनियां व ऊपरी हिस्सा वहीं छोड़ गए हैं। ससांरपुर टैरस में चंदन चोर अब पुलिश वन विभाग के लिए चनौती बन चुके हैं। वन परिक्षेत्र अधिकारी नरेंद्र सिंह कहा कि दो महीने पहले भी चंदन तस्कर जंगल से चंदन के पेड़ काटकर ले गए थे। संसारपुर टैरस में लंबे अरसे से चंदन की लकड़ी की तस्करी करने वाला गिरोह सक्रिय है। इसके साथ ही पंजाब का एरिया लगता है लेकिन आज दिन तक पुलिस गिरोह को पकड़ने में नाकाम रही है। संसारपुर टेरेस के चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने कहा है कि पुलिस ने शिकायत आई है उक्त मामले की जांच की जा रही है। उधर, इस संबंध में डाडासीबा वन परीक्षेत्र अधिकारी नरेंद्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया हम अपने लेवल पर जांच कर रहे हैं। पुलिस से भी शिकायत की है एसएचओ देहरा को लिखा गया है। इस मामले में एफआईआर दर्ज की जाए।
जिला कांगड़ा के मां चामुंडा मंदिर के पास बनेर खड्ड के किनारे मृत मिली युवती की पहचान पुलिस ने कर ली है। युवती पंजाब के लुधियाना की रहने वाली थी। युवती के परिजनों ने धर्मशाला पहुंचकर शव की शिनाख्त की है। युवती की पहचान खुशप्रीत सिंह (22) पुत्री जगतार सिंह हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी गुरु तेग बहादुर गुरुद्वारा फिरोजपुर रोड लुधियाना भारत नगर चौक लुधियाना पंजाब के तौर पर हुई है। बता दें कि बुधवार को मां चामुंडा मंदिर में बनेर खड्ड के किनारे स्थानीय लोगों ने युवती का शव पड़ा देखा। मामले की सूचना पुलिस स्टेशन धर्मशाला के तहत पड़ती पुलिस चौकी योल में दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को कब्जे में ले लिया। युवती के पास से ऐसा कोई दस्तावेज आदि नहीं मिला था, जिससे युवती की पहचान हो सके पुलिस को युवती के पास सिर्फ बस के कुछ टिकट मिले थे, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच करते हुए युवती की पहचान कर ली। जिला कांगड़ा की एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि पिछले बुधवार जो एक अज्ञात शव पुलिस को बरामद हुआ था, इसको लेकर योल पुलिस थाना की टीम को जो शव के पास से बस के टिकट मिले थे। उससे यह अंदाजा लगा कि इस युवती ने लुधियाना से अपना सफर शुरू किया था। लुधियाना में इसके तीन कांटेक्ट भी निकले हैं। उन्होंने बताया कि आज सुबह पुलिस ने इसकी पहचान कर ली है। युवती के परिजन धर्मशाला पहुंच चुके है और धर्मशाला के अस्पताल में युवती के शव का पोस्टमार्टम चल रहा है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग पाएगा। उन्होंने बताया कि युवती का आखिरी बार अपने परिजनों से दो दिन पूर्व संपर्क हुआ था और युवती अपने परिजनों से यह बोलकर निकली थी कि वह कहीं इंटरव्यू देने के लिए जा रही है। उसके बाद से इसका कोई संपर्क अपने परिवार वालों से नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि अभी तक कि हुई जांच में यही निकालकर सामने आया है कि यह युवती अकेले ही लुधियाना से सफर कर रही थी।
विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर की पंचायत रियाली व इंदौरा की पंचायत बडूखर को पंजाब के हजीपुर से जोड़ने वाली सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि छोटी गाड़ियां व बाइक का इस रोड से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। पिछले लंबे समय से लोक निर्माण विभाग ने इस तरफ रुख नहीं किया है। लोगों ने बताया कि पांच साल पहले बडूखर-हाजीपुर सड़क पर तारकोल विछाई गई थी, उसके बाद मात्र एक बार पैच वर्क किया गया था, मगर वह तुरंत ही निकलना शुरू हो गया था। इसके बाद विभाग ने इसकी कोई खबर नही ली। स्थानीय निवासी शामू कसाणा का कहना है कि जब कभी नेता गण हमारे क्षेत्र में आते हैं, तब विभाग खड्डों में मिट्टी डालकर चला जाता है। बाद में वही मिट्टी दुकानों व घरों में रखे हुए खाने के सामन को खराब करती है। वहीं किसान संघर्ष सेवा समिति प्रधान विजय कुमार ने बताया कि हम गांव दिहात के लोग अराम से अपना जीवन यापन करते थे, लेकिन जबसे हमारे एरिया में क्रैशर उद्योग स्थापित हुए हैं तब से यहां जीना दूभर हो गया है। रोड की ही बात नहीं, बल्कि फसलों को भी बीमारियां पड़ रही हैं। पानी का लेवल डाउन हो रहा है और रोड की हालत बद से बदतर हो रही है। रोज हजारों टन क्रेशर मटेरियल की कालाबाजारी लगातार हो रही है, लेकिन प्रशासन ने आंखों पर पट्टी बांध रखी है। वहीं, पर्यावरण संरक्षण समिति सचिव कुलदीप सिंह का कहना है रोड अभी दो चार साल ओर चल सकता था मगर क्रैशर उद्योग से भारी वाहन दिन रात निकलते हैं, जिस कारण रोड़ की यह दुर्दशा हुई है। पूर्व पंचायत मेंबर रियाली मंगा सिंह का कहना है कि वोटों के समय ही विधायक यहां दिखते हैं, उसके बाद पांच साल तक वह इद का चांद हो जाते हैं। अगर ऐसा ही चलता रहा तो हमें यहां से कहीं और जाना पड़ेगा। उधर, इस मामले में जब लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले ही में यहां आया हूं। आपके द्वारा यह मामला मेरे ध्यान में लाया गया है। जल्द ही अन्य विभागीय अधिकारियों से बात कर जल्द इसका हल किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए इस साल सितंबर-अक्तूबर माह में एक मेगा खेल इवेंट ''रूरल ओलंपियाड गेम्स'' आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसमें ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले खेलों में लगभग 40 हजार युवा हिस्सा लेंगे। यह बात लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को नूरपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में स्पोर्ट्स कौंसिल की बैठक की जाएगी।
कांगड़ा जिले में तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत स्कूलों और गांवों को तंबाकू फ्री बनाने के लिए व्यापक मुहिम छेड़ी गई है। 30 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में लोगों विशेषकर युवाओं में तंबाकू सेवन के हानिकारक प्रभावों को लेकर जागरूकता पैदा करने तथा जन अभियान के माध्यम से लोगों को तंबाकू की लत से मुक्त करने और तंबाकू के सेवन को रोकने के लिए एकीकृत प्रयास किए जा रहे हैं। अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल ने यह जानकारी राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत गठित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक के उपरांत दी। बता दें, विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर 31 मई को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रव्यापी तम्बाकू मुक्त युवा अभियान शुरू किया गया है। 30 जुलाई तक चलने वाले इस 60 दिवसीय अभियान को कांगड़ा जिले में पूरी गंभीरता से चलाया गया है। 4 मुख्य बिंदुओं पर फोकस सौरभ जस्सल ने कहा कि अभियान के तहत 4 मुख्य बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया गया है। प्रमुख रूप से जन जागरूकता, तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान प्रमाणीकरण, तंबाकू मुक्त गांव और कोटपा एक्ट के प्रभावी कार्यान्वयन के साथ चालान जैसी गतिविधियों पर फोकस रहेगा। उन्होंने बताया कि इन श्रेणियों में बेहतर कार्य करने वाले राज्य तथा जिलों को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने आग्रह किया कि कांगड़ा जिले को तंबाकू निराकरण में देश में अग्रणी बनाने के लिए सभी विभाग मिलकर इस अभियान को सफल बनाने में जुटें। उन्होंने इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग को सभी से समन्वय का जिम्मा सौंपा।
बुधवार को हाल ही में राष्ट्रीय पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली राधिका कटोच व विजय इंदर सैनी के सम्मान में राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें विधायक मलेंद्र राजन मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर भी विशेष रूप से उनके साथ थे। इस समारोह में विधायक ने राधिका कटोच को व विजय इंदर सैनी के अभिभावकों को शॉल व हिमाचली टोपी प्रदान कर सम्मानित किया। बता दें कि इंदौरा की राधिका कटोच ने हाल ही में हुई खेलो इंडिया युनिवर्सिटी गेम्स में 81 किलोग्राम भार वर्ग में भारत की सर्वश्रेष्ठ 8 भारोत्तोलकों में शामिल होने के बाद दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल जीतने में सफलता प्राप्त की तो वहीं विजय इंदर सैनी ने जूडो में अपने भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र व कॉलेज का नाम रौशन किया है। विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि वे स्वयं एक स्पोर्ट्स पर्सन हैं और खिलाड़ियों के प्रति उनका एक विशेष लगाव है तथा यदि क्षेत्र के युवा किसी भी खेल गतिविधि में आगे बढ़ना चाहते हैं तो हर संभव सहायता सरकार की तरफ से की जाएगी। इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्या परवीन कुमारी, कॉलेज स्टाफ व अन्य उपस्थित रहे।
कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने आज शाहपुर में 1 करोड़ 75 लाख की लागत से बनने वाले पशु चिकित्सालय का शिलान्यास कर भूमिपूजन किया। उन्होंने इसके बाद शाहपुर के गोरडा में जाइका द्वितीय चरण के कार्यालय का उद्घाटन कर इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। इस दौरान शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया भी उपस्थित रहे। कृषि मंत्री ने उद्घाटन-शिलान्यास के उपरांत गोरडा में जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों को अपने विभाग से संबंधित विषयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शाहपुर में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री वीरभद्र सिंह ने पशु पॉलिक्लीनिक का उद्घाटन किया था। उन्होंने कहा कि यह संस्थान प्रदेश के पहले पॉलिक्लीनिक में से एक है लेकिन बाद में किसी ने इसके स्तरोन्नयन के लिए किसी ने कोई कदम नहीं उठाया। कृषि मंत्री ने कहा कि स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया ने क्षेत्र वासियों की इस मांग को सरकार के समक्ष लाया और आज इस स्थान पर पशु चिकित्सालय का शिलान्यास किया गया। होंगी सभी आवश्यक सुविधाएं प्रो. चंन्द्र कुमार ने कहा कि तीन मंजिला बनने वाले इस पशु चिकित्सालय में सर्जरी रूम, अल्ट्रासोनोग्राफी रूम, एनेस्थीसिया रूम, माइक्रोबायोलॉजी तथा पैथोलॉजी लैब सहित रोग निदान और निगरानी इकाई भी स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा यहां छोटे और बड़े सभी प्रकार के पशुओं के उपचार के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पशुओं के उपचार के अलावा यहां गंभीर बिमारियों से लड़ने के लिए चिकित्सकों द्वारा शोध भी किया जाएगा, जिसके लिए यहां एक बड़ा सभागार और पुस्तकालय का निर्माण भी प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि शाहपुर में बनने वाला यह आधुनिक पशु चिकित्सालय लगभग आधे हिमाचल को कवर करेगा। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त पड़ोसी राज्य के लोग भी अपने पशुओं के रोग निदान और उपचार के लिए यहां की सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस पशु चिकित्सालय के निर्माण के लिए शुरुआत में 1 करोड़ 75 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि अगर आवश्यकता पड़ी तो सरकार इसके निर्माण के लिए और अधिक राशि उपलब्ध करवाएगी। गोरडा में जाईका कार्यालय का उद्घाटन कृषि मंत्री ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के गोरडा में जाइका द्वितीय चरण खण्ड परियोजना प्रबंधन इकाई कार्यालय का उदघाटन किया। उन्होंने बताया कि शाहपुर में स्थापित इस खण्ड परियोजना प्रबंधन इकाई के अंतर्गत जिला कांगड़ा के सात विकास खंड सम्मिलित हैं। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण - चरण 2 में इस कार्यालय के अंतर्गत 22 परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिससे लगभग 813.92 हैक्टेयर कृषि योग्य भूमि में सिंचाई क्षमता का निर्माण किया जाएगा।
जिला के पुलिस थाना धर्मशाला के तहत एक कार से चरस की बड़ी खेप बरामद करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना धर्मशाला की टीम एसएचओ सुरेंद्र कुमार की अगुवाई में गश्त कर रही थी तथा यातायात निरीक्षण के लिए पावर हाउस के पास इकु मोड़ पर तैनात थी। इसी दौरान चामुंडा की तरफ से एक आई 20 हुंडई कार नंबर एचपी 82-5005 आई जब पुलिस ने उस कार की तलाशी ली तो इसमें से 5 किलो 40 ग्राम चरस बरामद की गई पुलिस ने चरस की खेप को कब्जे में लेकर कार चालक, मंडी जिला के धर्मेड़ निवासी 40 वर्षीय सोहन सिंह पुत्र हल्कू राम को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। वहीं, पुलिस आज आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड लेगी और आरोपी इस खेप को कहां लेकर जा रहा था, इस बात की जानकारी भी लेगी।
तहसील कल्याण कार्यालय देहरा व ज्वालामुखी के तहत विभिन्न वर्गों के लिए कंप्यूटर के नि:शुल्क कोर्स करवाने के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। इसके तहत एससी-एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यक, दिव्यांग, एकल नारी व विधवाओं के लिए डीसीए और पीजीडीसीए करवाया जाएगा। देहरा का अतिरिक्त प्रभार देख रहीं ज्वालामुखी की तहसील कल्याण अधिकारी आदर्श बाला ने बताया कि इसके लिए 21 जून तक आवेदन किया जा सकता है। आवेदक हिमाचल का मूल निवासी होना चाहिए। परिवार की वार्षिक आय दो लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के साथ बीपीएल या आय प्रमाण पत्र, मूल हिमाचली प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और बैंक खाते की छायाप्रति लगाना अनिवार्य है।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के अग्रवर्ती बहुआयामी पशु चिकित्सा परिसर का दौरा किया। उन्होंने रेडियोग्राफी यूनिट, अल्ट्रासोनोग्राफी यूनिट सहित अन्य इकाइयों में जाकर विभिन्न गतिविधियो की जानकारी ली। इस अवसर पर, उन्होंने पशुधन प्रबंधन विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया इससे पूर्व, राज्यपाल ने औषधीय जड़ी-बूटी उद्यान में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपा। कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एचके चौधरी ने राज्यपाल को संस्थान से संबंधित विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। कांगड़ा के डीसी निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री तथा अन्य अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज कांगड़ा जिले के खडुल में जगत तारणी माता मंदिर के रजत जयंती समर्पण समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यह मंदिर क्षेत्र के लोगों के लिए अटूट श्रद्धा का केंद्र है। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं के पास लोग जाते नहीं है बल्कि बुलावा आता है तभी जाते हैं। इसी कारण मुझे यहां आने का मौका मिला है। देवी-देवताओं का आशीर्वाद हो तभी कार्य संभव हो पाते हैं। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि कहा जाता है। यहां लोगों का देवी-देवताओं पर अटूट विश्वास और आस्था है, जो लोगों को सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि देवभूमि की यह पवित्रता बनाये रखने के लिए हम सबको योगदान देना चाहिए। उन्होेंने कहा कि नशे के कारण यह पवित्रता खंडित हो रही है। हम सबको मिलकर इसके प्रति अभियान छेड़ना चाहिए तथा हमारे गांव नशे से मुक्त हो इसके लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने स्थानीय लोगों से केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। राज्यपाल ने मंदिर के संयोजक और संस्थापक श्री राकेश कुमार द्वारा धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से अपनी संस्कृति, समाज और संस्कारों को पोषित करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि धार्मिक व्यक्तित्व के श्री राकेश शर्मा ने अपने परिवार के साथ यहां मंदिर स्थापित कर समाज सेवा का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष अपने पैतृक गांव मे उत्सव के रूप में स्थापना दिवस मनाने से यहां पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस दौरान मेले के आयोजन और इसमें खेलों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है। इससे हमारी समृद्ध संस्कृति को संरक्षरण प्राप्त होने के साथ-साथ बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए भी मंच मिल हो रहा है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महादेव बडोगलाहड़ विकास खंड देहरा जिला कांगड़ा में जलवायु परिवर्तन विषय पर स्लोगन / भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें उपरोक्त पाठशाला के लगभग 25 छात्र- छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से जलवाय में होने वाले परिवर्तन, प्रभावों व परिणामों विषय में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा इसके दुष्प्रभावों से बचने बाले उपायों पर विचार विमर्श किया गया। इस मौके प्रधान ग्राम पंचायत, प्रधानाचार्य व अन्य प्राध्यापकों तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला महादेव के मुख्याध्यापक ने भी अपने विचार साझा किये। इस मौके पर महिला मंडलों के प्रतिनिधि सोनिका ,गोल्डी एवं रसमा देवी तथा माउंटेन हब चेतना मंच के फिल्ड एनिमेटर सतीश कुमार भी उपस्थित रहे। इस मौके पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर विजयी बच्चों को माउंटेन हब द्वारा पुरुस्कार भी दिए गए। इस कार्यक्रम में लगभग सौ से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
डाडासीबा तहसील के तहत सोमवार देर रात आंधी व तूफान के साथ मूसलाधार बारिश ने कई पेड़ गिरे डाडासीबा- ढलियारा मार्ग बाया जंबल बससी रोड गांव जंबल में साईं मंदिर के पास में आम का काफी पुराना पेड़ गिर जाने से आवाजाही बाधित हो गई। मार्ग 10 घंटे से बंद रहा। ग्रामीणों ने बताया जंबल बससी रोड पर बहुत ही पुराने पेड़ हैं, जो बिना बारिश के ही सड़क पर गिर रहे हैं। उन्होंने फॉरेस्ट विभाग से मांग की है जो भी पुराने पेड़ सूखे हैं या गिरने की कगार पर हैं, उन्हें समय रहते कटवाया जाए ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके बेमौसम बरसात ने बगीचे में लगे आम लीची सहित अन्य फलों की क्षति पहुंचाई है, वहीं खेतों में लगी सब्जियों को भी नुकसान पहुंचा है। उधर इस संबंध में डाडा सीबा वन परीक्षेत्र अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया मौके वनरक्षक की ड्यूटी लगाई गई है पेड़ को सड़क से हटाया गया और जो सड़कों के किनारे सूखे पेड़ उनको रेमार्क करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। शीघ्र हटाया जाएगा सड़क से पेड़ लोक निर्माण विभाग डाडा सीबा के सहायक अभियंता राजन कुमार का कहना है भारी तूफान की वजह से आम का पेड़ सड़क पर गिरा है। शीघ्र ही पेड़ को जेसीबी की सहायता से सड़क से उठा कर यातायात बहाल किया गया। जल्द बहाल की जाएगी बिजली देहरा के बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता कुलदीप सिंह राणा का कहना है मुझे सूचना मिली थी कि पेड़ बिजली की तारों पर गिरा है शीघ्र बिजली बहाल की जाएगी। इसके लिए टीम को भेज दिया है।
एससीईआरटी सोलन द्वारा नेशनल मेरिट कम मींस छात्रवृत्ति योजना को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेह ढोंटा की छात्रा वंशिका ने मेरिट में अपना स्थान बनाया है। इस छात्रा को 12वीं कक्षा तक प्रतिमाह 1000 रुपये छात्रवृत्ति प्राप्त होगी। प्रधानाचार्य सुखराम ने बताया कि यह हमारे विद्यालय के लिए बहुत ही गर्व का विषय है। उन्होंने छात्रवृत्ति परीक्षा पास करने वाली छात्रा व उनके अध्यापकों तथा अभिभावकों को बधाई दी और मिष्ठान खिलाकर मुंह मीठा करवाया तथा शुभकामनाएं प्रेषित कीं। साथ में उन्होंने बताया कि इस छात्रवृत्ति से विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने करने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
पुलिस थाना मैकलोडगंज में 5 जून को शिकायत दर्ज करवाई गयी कि फलोता में अमित कुमार व उसकी पत्नी ने सुनो देवी निवासी फलोता डा. चमियारा तहसील धर्मशाला का रास्ता रोककर लड़ाई-झगड़ा, मारपीट, गाली -गलौच किया व जान से मारने की धमकियां दीं। इस संदर्भ में पुलिस थाना मैकलोडगंज मने अभियोग जेर धारा 451, 323, 504, 506 व 34 भा.दं.सं. में पंजीकृत किया गया है।
बढल बाजार में फेरी लगाकर एलईडी टेलीविजन बेचने आए दो युवकों को दुकानदाराें ने काबू कर लिया। सूचना मिलने पर पहुचे आबकारी विभाग के अधिकारियों ने सामान जब्त कर लिया। उन्हें बुधवार तक बिल पेश करने को कहा गया है। यदि वे ऐसा नहीं कर पाते हैं तो उन्हें 20 हजार रुपये का जुर्माना किया जाएगा। व्यापार मंडल के सदस्य सतीश सिपेहिया ने बताया कि मंगलवार दोपहर उन्हें पता चला कि दूसरे राज्य से संबंधित दो युवक दिल्ली के नंबर की एक गाड़ी में सवार होकर घरों में जाकर एलईडी टीवी बेच थे। इसके बाद उन्होंने कुछ दुकानदारों के साथ मिलकर उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे देहरा के ईटीओ सागर दत्त ने युवकों से इस सामान से जुड़े दस्तावेज दिखाने को कहा, लेकिन उनके पास कोई दस्तावेज नहीं थे। दत्त ने उन्हें बुधवार सुबह तक बिल पेश करने को कहा है। यदि वे बिल पेश नहीं कर पाए तो उन्हें 20 हजार रुपये जुर्माना देना होगा। देहरा के डीएसपी अनिल कुमार ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह सामान बेचने वालों से सतर्क रहें।
जिला कांगड़ा के इंदौरा उपमंडल की राधिका कटोच का गौतम बुद्धा विश्वविद्यालय नोएडा में आयोजित खेलो इंडिया स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने के बाद इंदौरा पहुंचने पर ग्रामवासियों द्वारा बस स्टैंड पर ढोल-नगाड़ो सहित भव्य स्वागत किया गया। ज्ञात रहे कि उत्तर प्रदेश के नोएडा में आयोजित खेलो इंडिया में उपमंडल इंदौरा की ग्राम पंचायत इंदौरा की बेटी राधिका कटोच का चयन 81 किलोग्राम भार महिला वर्ग में हुआ था, जिसमें राधिका ने 178 किलोग्राम भार उठाकर सिल्वर मैडल जीतने में सफलता प्राप्त की है ल इस मौका पर राधिका कटोच ने बताया कि वह राजकीय महाविद्यालय ऊना में पड़ रही और हिमाचल का प्रतिनिधित्व करती है l उन्होंने अपनी सफलता का सारा श्रेय अपने माता-पिता और अपने कोच को दिया है l राधिका कटोच ने बताया कि उनका लक्ष्य अब अंतराष्ट्रीय स्तर की वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर भारत की तरफ से खेलकर मैडल जीतना है ल इस मौका पर सिल्वर मैडल विजेता राधिका के पिता राजू कटोच, राधिका के बचपन से रहे कोच मुनीश कटोच सहित सैकड़ों इंदौरा निवासी मौजूद रहे l
उपमंडल ज्वालामुखी में आज बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर खंड स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया । बैठक की अध्यक्षता उप मंडल अधिकारी ज्वालामुखी डॉ. संजीव शर्मा ने की। बैठक में एसडीएम ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच के लिए प्रभावी जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण स्तर पर जागरूकता शिविर का आयोजन करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच व सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सुकन्या योजना और बेटी है अनमोल योजना की जानकारी उपलब्ध करवाई जा सके। बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा रवि कुमार ने बताया कि विशेष पोषाहार योजना के अंतर्गत 4613 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। बेटी है अनमोल योजन के अंतर्गत गरीबी रेखा से नीचे रह रहे परिवारों में जन्मी दो बालिकाओं तक 21000 रुपये की धनराशि बैंक या पोस्ट ऑफिस में जमा करवाई जाती है। इसके अतिरिक्त बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के लिए छात्रवृति प्रदान की जाती है। इस योजना के अंतर्गत 2023-24 में 12 बालिकाओं को 243000 रुपये प्रदान किए गए हैं। रवि कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत बेसहारा लड़कियों जिनके माता पिता की मृत्यु हो चुकी हो या पिता का स्वर्गवास हो गया हो या पिता किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त हो और आजीविका कमाने के योग्य न हो तथा उनकी वार्षिक आय 50 हजार से अधिक ना हो उन्हें 51000 रुपये की धनराशि अनुदान के रूप में दी जाती है। इस योजना के अंतर्गत 2022-23 में 49 लड़कियों को 2466000 रुपये दिए जा चुके है। एसडीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर योजनाओं का व्यापक प्रचार करने के लिए कहा ताकि बेटियां अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं। इस दौरान उपमंडल स्तरीय आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर किरण धीमान, संतोष राणा, आरती ठाकुर, नरेंद्र कुमार, आदित्य महाजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित की जाने वाली सात विषयों की अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) में साढ़े 37 हजार अभ्यर्थी बैठेंगे। वहीं स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आधे अधूरे भरे गए 2033 आवेदनों को रद्द कर दिया है। स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने टेट जून-2023 के लिए सात विषयों टीजीटी आर्ट्स, कॉमर्स, मेडिकल, नॉन मेडिकल, भाषा अध्यापक, शास्त्री, पंजाबी और उर्दु विषय के लिए ऑनलाइन माध्यम से नौ मई से 31 मई तक आवेदन मांगे थे। इस दौरान इन विषयों के लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड के पास 39,516 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 37,483 आवेदन पत्र परीक्षा शुल्क सहित प्राप्त हुए हैं, जबकि 2033 आवेदन बिना परीक्षा शुल्क व अधूरे थे, जिन्हें शिक्षा बोर्ड ने रद्द कर दिया है। उन्होंने बताया कि रद्द किए गए आवेदनों का ब्यौरा स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। जिन अभ्यर्थियों ने निर्धारित तिथि के दौरान फीस जमा करवाई है और उनका नाम रद्द सूची में हैं, तो ऐसे अभ्यर्थी फीस जमा करवाने से संबंधित दस्तावेज बोर्ड कार्यालय में सात जून तक अतिरिक्त समय दिया है। उन्होंने बताया कि इसके बाद किसी भी प्रकार के संशोधन नहीं किए जाएंगे।
उपमंडल अधिकारी देहरा शिल्पी बेक्टा ने गत दिवस अधिकारियों के साथ एक मेगा मॉक एक्सरसाइज के आयोजन के संबंध में बैठक की । एसडीएम ने बताया कि 8 जून को एक मेगा मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत उपमंडल देहरा के कलोहा पर भारी बाढ़ और भूस्खलन को आधार मानकरमेगा मॉक एक्सरसाइज आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि इसमें आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ जुड़े सभी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं व विभिन्न सामाजिक संगठनों को शामिल किया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि चूंकि ऐसे पूर्वाभ्यास वास्तविक आपदा के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में सभी अधिकारी उपलब्ध विभागीय संसाधनों और मानव संसाधन क्षमता का पूर्ण सदुपयोग सुनिश्चित बनाएं । उन्होंने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा निर्धारित एसओपी का पालन सुनिश्चित बनाने के निर्देश भी जारी किए। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए की आपदा के समय में अगर कोई सड़क अवरूद्ध होती है तो वाहनों को आवाजाही के लिए दूसरा रूट बनाया जाए। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए की आपदा के समय में उनके पास दवाइयां, स्ट्रेचर, डॉक्टर , एंबुलेंस उपलब्ध होनी चाहिए ताकि लोगों को तुरंत सुविधा दी जा सके। परिवहन विभाग को आपदा की जगह पर जल्द से जल्द बसों को पहुंचाने को कहा ताकि आपदा में फंसे लोगो को वहां से निकाला जा सके। यह रहे उपस्थित तहसीलदार रक्कड़ अमित शर्मा,तहसीलदार जसवा अंकित शर्मा , तहसीलदार देहरा कर्म चंद, तहसीलदार हरिपुर जयमल चंद,आरएम देहरा कुशल कुमार, एसडीओ लोक निर्माण विभाग बलबीर, बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रागपुर अनिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पीहड़ी के बच्चों ने पर्यावरण दिवस मनाया। पर्यावरण दिवस 5 जून को पूरे विश्व में विश्व पर्यावरण दिवस के रूप में मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र के द्वारा 1972 में विश्व पर्यावरण दिवस की स्थापना हुई थी। 1974 में पहला विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया था। इस दिन का मकसद लोगों को पर्यावरण को बचाने के लिए प्रोत्साहित करना है जिसमें स्कूल के बच्चों ने बाजार में रैली निकाली और नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। विद्यालय पीहड़ी में विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन प्रधानाचार्य विनोद बस्सी व स्कूल प्रबंधन कमेटी के प्रधान विजय सिंह की अध्यक्षता में किया गयाl इसमें बतौर मुख्य अतिथि अनुज बीआरसी जल शक्ति विभाग रहेl विद्यालय ने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में भाषण प्रतियोगिता, नारा लेखन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा जागरुकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें समस्त अध्यापकों तथा बच्चों ने भाग लिया।
राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में सोमवार को केमिस्ट्री विभाग द्वारा पर्यावरण दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया, जिसमें कॉलेज के छात्रों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. अंजू चौहान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। डॉक्टर स्वदीप सूद ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए पर्यावरण दिवस के महत्व व इसकी शुरुआत के बारे में विस्तार से बताया। सेंट्रल यूनिवर्सिटी जम्मू से प्रो दीपक पठानिया ने छात्रों को ऑनलाइन सम्बोधन दिया और पर्यावरण सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस दौरान छात्रों के बीच एक भाषण प्रतियोगिता एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने हिस्सा लिया और तत्पश्चात कालेज प्रांगण में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ पर्यावरण के नारे को और बुलंद किया। इस दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में से भाषण में निधि ने प्रथम स्थान, शुभम ने द्वितीय स्थान एवं पिंकी ने तृतीय स्थान हासिल किया तो वहीं पोस्टर मेकिंग में आंचल प्रथम, इशिता द्वितीय एवं कृतिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने उपस्थित छात्रों को पर्यावरण सरंक्षण को अपने घर, अपने कालेज से शुरू करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि कालेज प्रशासन छात्रों के सर्वंगीण विकास के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता रहा है और भविष्य में करते रहेंगे ताकि छात्रों का सर्वंगीण विकास हो सके। कार्यक्रम में प्रो. अनीता, प्रो. संजीव, प्रो. शर्मिता सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल आज अपने दो दिवसीय प्रवास पर कांगड़ा पहुंचे। पालमपुर पहुंचने पर उन्होंने यामिनी परिसर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के निवास जाकर उनसे भेंट की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी। इस दौरान उन्होंने अपने पुराने संसदीय कार्यकाल की स्मृतियों को याद किया। हिमाचल प्रदेश के विकास को लेकर भी उन्होंने चर्चा की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और भौगोलिक क्षेत्र की भी चर्चा की।
दंगल कमेटी के प्रधान सुखदयाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया ख्वाजा पीर बाबा जी मेला दंगल कमेटी गांव चटवाल में 8 जून को दंगल कुश्ति का आयोजन किया जाएगा। इसमें पंजाब हरियाणा जम्मू दिल्ली आदि के नामी पहलबान अपना दमखम दिखाएंगे। पहले यह दंगल मेला दशहरे के दूसरे दिन होता था और अगले वर्ष यह दंगल का आयोजन जेठ महीने के चौथे वीरवार को हर वर्ष मेला दंगल का आयोजन होगा।
मिट्टी से सोना उगाने का हुनर रखने वाले लोग खेती में नयापन लाकर केवल पैसा ही नहीं कमाते, बल्कि दूसरों के लिए प्रेरणा स्रोत भी बन जाते हैं। ऐसे ही एक बागवान हैं कांगड़ा जिले के शाहपुर उपमंडल के तहत आने वाले दुरगेला गांव के पूर्ण चंद। पूर्ण चंद ने कांगड़ा के मैदानी इलाके में ठंडे पहाड़ों की फसल कही जाने वाले सेब की पैदावार से सफलता की ऐसी उम्दा कहानी लिखी है, जो पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का सबब है। उनकी देखा देखी अब आसपास के गांवों के लोग भी सेब समेत अन्य फलों की खेती की ओर मुड़ने लगे हैं। पूर्ण चंद ने अन्ना व डोरसेट प्रजाति के लगभग 300 सेब के पौधे लगाए हैं, जिनमें से लगभग 140 पौधों में अभी फल आ चुके हैं। मौजूदा सीजन में उन्हें सेबों की पैदावार से एक से डेढ़ लाख रुपये की आमदनी की उम्मीद है। पूर्ण चंद बताते हैं कि वे अपनी तीन-चार कनाल जमीन पर गेहूं, मक्की इत्यादि की परंपरागत खेती करते थे, लेकिन इसमें कुछ अधिक लाभ नहीं हो रहा था। कोई चार साल पीछे उन्होंने प्रदेश के बागवानी विभाग के मार्गदर्शन एवं सहयोग से सेब का बगीचा लगाया। लोगों को रायासनमुक्त और पौष्टिक फल मुहैया कराने उद्देश्य से उन्होंने अपने बगीचे में किसी रासायनिक खाद या स्प्रे का उपयोग न करने का प्रण लिया। रासायनिक खाद या स्प्रे का नहीं करते इस्तेमाल पूर्ण चंद बताते हैं कि उनके बगीचे की खासियत यह है कि वह अपने सेब बागान में किसी रासायनिक खाद या स्प्रे का इस्तेमाल नहीं करते हैं। इसके स्थान पर वह विभिन्न तरह से बनाये जानी वाली जैविक खादों का ही इस्तेमाल करते हैं। उनका कहना है कि वे विभिन्न दालें, किचन वेस्ट, ऑयल सीड, गौ मूत्र तथा गोबर द्वारा बनाई जाने वाली जैविक खादों का ही प्रयोग करते हैं। पूर्ण चन्द इन सब खादों को भी स्वयं ही तैयार करते हैं। सरकार से एंटी हेलनेट पर मिला 80 प्रतिशत उपदान वे बताते हैं कि इस बार उनके बागान में सेब की फसल काफी अच्छी हुई है। सेबों की अच्छी गुणवत्ता के चलते खरीददार उनके घर पर आकर ही सेब खरीद ले जाते हैं। पूर्ण चन्द को इस वर्ष एक से डेढ़ लाख रुपये के सेबों की पैदावार की उम्मीद है। प्रदेश सरकार द्वारा एन्टी हेलनेट के लिए भी पूर्ण चन्द को 80 प्रतिशत उपदान दिया गया है। तैयार की सेब के पौधों की नर्सरी, देशभर में भेजते हैं सप्लाई पूर्ण चन्द ने सेब के पौधों की एक नर्सरी भी लगाई है। वे बताते हैं कि बीते दो वर्षों में प्रदेश के साथ साथ देश के विभिन्न राज्यों में अपनी नर्सरी के पौधे भेज चुके हैं। महाराष्ट्र के विदर्भ, नागपुर, अमरावती, औरंगाबाद व अहमदनगर के साथ मध्यप्रदेश के जबलपुर, भोपाल, नीमच तथा राजस्थान के जयपुर और कर्नाटक के बीजापुर तथा सिन्दगी सहित हरियाणा गुजरात इत्यादि प्रदेशों में वर्ष 2021-22 में 10 हजार तथा 2022-23 में 20 हजार पौधों की सप्लाई कर चुके हैं। समय समय पर वे खुद वहां जाकर उनकी प्रोनिंग इत्यादि का कार्य करते हैं तथा वहां के बागवानों को इन पौधों की रख-रखाव के बारे में बताते हैं। उनका कहना है कि शुरुआती दौर में लगाए गए पौधों में फल आने भी शुरू हो गए हैं। इस समय भी उनकी नर्सरी में लगभग 40 हजार पौधे लगे हुए हैं और आने वाले सीजन की सप्लाई के लिए तैयार हैं। वे बताते हैं कि उन्होंने अपने यहां पास के गांव के 6-7 लोगों को खेती में मदद के लिए स्थाई रोजगार दे रखा है। उन्होंने अपनी नर्सरी को प्रदेश सरकार के पास भी पंजीकृत कराया है। वैदिक विधि से खेती से जोर पूर्ण चन्द का कहना है कि वे वैदिक विधि से खेती से जोर दे रहे हैं। देसी गाय के गोबर और गौ मूत्र का प्रयेाग और अग्निहोत्र करना और उसके बाद शेष बची राख का छिड़काव प्रतिदिन अपने बगीचे में करते हैं। उनका मानना है कि इस क्रिया के करने से उनके बगीचे तथा आसपास के वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और इसका परिणाम तैयार सेब की फसल में प्रत्यक्ष रूप से देखने को मिलता है। मसलन स्वस्थ पौधे व उत्तम गुणवत्ता के फल उनको प्राप्त होते हैं। परिवार का मिला पूरा साथ बागवानी के कार्य में पूर्ण चंद की धर्मपत्नी मधु भी पूरा सहयोग करती हैं। कई बार उनके घर से बाहर होने की स्थिति में उनके बच्चे भी अग्निहोत्र की क्रिया को सम्पन्न कर लेते हैं। उनका कहना है कि पारम्परिक खेती को छोड़कर जब वे इस तरफ आए थे, तब उन्होंने कभी ऐसे लाभ की कल्पना नहीं की थी। बागवान पूर्ण चन्द की किसान भाईयों विशेष कर युवाओं से अपील है कि वे अपनी जमीन को खाली न रखें अपितु सेब, अमरूद, कीवी इत्यादि के पौधे लगाकर अपनी आजीविका अच्छे से चला सकते हैं। क्या है सेब की सघन खेती बागवानी विभाग जिला कांगड़ा के उपनिदेशक डॉ. कमलशील नेगी बताते हैं कि सेब की सघन खेती में क्लोनल रूट स्टॉक के बौने और मध्यम बौने पौधे आपस में कम दूरी पर लगाए जाते हैं, इससे भूमि का अधिक से अधिक उपयोग किया जा सकता है। इसमें जहां कम भूमि पर अधिक पौधे लग जाते हैं वहीं पौधों के बीच की भूमि पर अन्य खेती की जा सकती है, जिससे अधिक लाभ होता है। सरकार की ओर से प्रोत्साहन डॉ. कमलशील नेगी बताते हैं कि प्रदेश सरकार क्षेत्र विस्तार सघन खेती फलों के अंतर्गत 50 प्रतिशत उपदान प्रदान करती है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना प्रत्येक बूंद अधिक फसल के तहत बगीचे में टपक सिंचाई योजना स्थापित करने के लिए भी अनुदान दिया जाता है। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 50 हज़ार क्षमता तक जल भंडारण टैंक बनाने के लिए 50 प्रतिशत या अधिकतम 70 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाता है । फल भंडारण पैक व ग्रेडिंग हाउस बनाने के लिए अधिकतम 2 लाख या 50 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है। उपनिदेशक डॉ. नेगी ने बताया कि कृषि उत्पादन संरक्षण योजना के अंतर्गत एंटी हेलनेट की स्थापना के लिए बांस का ढांचा बनाने को 50 प्रतिशत या अधिकतम 60 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तथा लोहे के ढांचे हेतु 1.20 लाख रुपये का अनुदान दिया जाता है। क्या कहते हैं जिलाधीश जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल का कहना है कि मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार कांगड़ा जिले में बागवानी गतिविधियों को नई रफ्तार देने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन, उद्यान विभाग के सहयोग से जिले में बागवानी की मौजूदा स्थिति में व्यापक सुधार और मजबूती के लिए लगातार प्रयासरत है। किसानों-बागवानों को सरकारी मदद मुहैया कराने, खेती की पैदावार बढ़ाने और इससे जुड़े कार्यों को मुनाफे वाला बनाकर किसानों की आय में बढोतरी के लिए कदम उठाए गए है।
ज्वाला चेस क्लब द्वारा एक दिवसीय रैपिड चेस टूर्नामेंट का आयोजन शिवालिक इंटरनेशन कॉन्वेंट स्कूल ज्वालामुखी में किया गया, जिसमें 144 प्रतिभागियों ने भाग लिया। टूर्नामेंट का सुभारंभ शिवालिक इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल ज्वालामुखी के प्रिंसिपल मुनीश राणा ने किया। इस टूर्नामेंट में सीनियर वूमेन में लॉरेट कॉलेज की छात्रा कनिका शर्मा ने प्रथम, रावमापा बाल ज्वालामुखी की छात्रा पलक ने द्वितीय, माउंट कार्मल स्कूल की नवरीति गुलेरिया ने तृतीय, रावमापा बाल ज्वालामुखी की कशिश ने चतुर्थ और राजकीय उच्च पाठशाला दलोह की कृषका ने पांचवां स्थान हासिल किया। सीनियर ओपन में डिग्री कॉलेज के दीक्षित शर्मा ने प्रथम विवेका फाउंडेशन भवारना के केशव सूद ने द्वितीय, रावमापा बाल ज्वालामुखी के गणेश बहादुर ने तृतीय, ज्वालामुखी के तरुण शर्मा ने चतुर्थ और आरएनटी स्कूल ज्वालामुखी के सतीश शर्मा ने पांचवां स्थान हासिल किया। अंडर 14 ओपन में लॉरेट ग्लोबल स्कूल कथोग के दिव्यांश धीमान ने प्रथम, माउंट कार्मल स्कूल गगल के रसेश गुलेरिया ने द्वितीय, आरएनटी स्कूल ज्वालामुखी के आर्यन भारती ने तृतीय, हिम एकेडमी हमीरपुर के रुद्रांश ने चतुर्थ और डी ए वी देहरा के विहान ने पांचवां स्थान हासिल किया। अंडर 14 गर्ल्स मुकाबले में हमीरपुर की बार्बी ने प्रथम, ऐम एकेडमी जयसिंहपुर की हर्षिता ठाकुर ने द्वितीय केंद्रीय विद्यालय होल्टा पालमपुर की कुशानी धीमान ने तृतीय, डी ए वी भरोली कोहाला की मेधनी जगोत्रा ने चतुर्थ और अमृता राणा ने पांचवा स्थान हासिल किया। छः वर्षीय सिया धीमान और अयान जामवाल यंगेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे। मुख्यातिथि के रूप में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रधानाचार्य बाबू राम ने शिरकत की और विजेताओं को इनाम बांटे। उन्होंने बच्चो को पढ़ाई के साथ खेलो में भी बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा की शतरंज खेलने से बच्चो का मानसिक विकास होता है और बच्चो में सोचने समझने की क्षमता बढ़ती है। इस मौके पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घल्लौर की प्रधानाचार्या ममता भाटिया , ज्वाला चैस क्लब के प्रधान मोहिंदर कुमार, सचिव बंदना धीमान, सह सचिव तरुण शर्मा स्थानीय स्कूल के प्रिंसिपल मुनीश राणा चीफ ऑर्बिटर विकास धीमान, आर्विटर राकेश कुमार, संदीप रियाल्च, संदीप बहल, जीवन, शिवांश, पल्लवी और सुरेंद्र कुमार मौजूद रहे।
बाबा कांशीराम राजकीय उत्कृष्ट विद्यालय डाडासीबा में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया जिसमें जिला प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता अंशुल कुमार ने विश्व पर्यावरण के बारे में बच्चों को जागरूक किया, जिससे हमारा पर्यावरण संरक्षित रह सके। उन्होंने प्लास्टिक को प्रदूषण के लिए हानिकारक बताया, जिसका हमें निष्पादन सही ढंग से करना चाहिए डाडासीबा के वन परिक्षेत्र अधिकारी नरेंद्र सिंह ने पेड़ों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने पेड़ों के कटान को पर्यावरण के लिए खतरा बताया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने पेंटिंग के माध्यम से पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। इस प्रतियोगिता में कार्यक्रम के दौरान पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने भाग लिया, जिसमें 11वीं की छात्रा कृतिका प्रथम प्रिया द्वितीय और 12वीं की अमीषा चौधरी तृतीय स्थान पर रही। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने पर्यावरण पर एक स्किट पेश कर पर्यावरण को संरक्षित रखने का संदेश दिया बच्चों को 501 रुपये दिए गए। इसके उपरांत 11वीं की छात्रा राधिका ने पर्यावरण पर एक सारगर्भित भाषण देकर सबका मन मोह लिया वन विभाग के कर्मचारियों ने स्कूल के प्रांगण में पौधारोपण रोपण भी किया। कार्यक्रम के दौरान डाडासीबा स्कूल के प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार ने पर्यावरण पर अपने विचार सांझा किए। बच्चों में पर्यावरण दिवस पर डाडासीबा बाजार में एक रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल का स्टाफ डाडासीबा वन विभाग के बीच ओ हंसराज वनरक्षक अजय कुमार, वनरक्षक प्रदीप कुमार आदि उपस्थित रहे।
ज्वालामुखी विधानसभा के तहत पड़ते एक क्षेत्र के रहने वाले 30 वर्षीय युवक की गलती से जहरीले पदार्थ के सेवन करने से मौत हो गई है। इस संबंध में पुलिस ने सी आर पी सी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने की है। उन्होंने कहा कि युवक का पोस्टमार्टम करवाकर उसका शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक के मौत के कारणों का पता चलेगा। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार ज्वालामुखी विधानसभा के तहत पड़ते क्षेत्र से एक युवक को इलाज के लिए ज्वालामुखी अस्पताल लाया गया। अस्पताल में पहुंचने पर युवक के परिजनों ने बताया की युवक ने गलती से किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। उसके बाद उसकी हालत खराब हो गई है। हालांकि यहां मौजूद डॉक्टर सतिंद्र वर्मा ने युवक की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे टांडा मैडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। बहरहाल पुलिस की मामले को लेकर जांच जारी है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण हेतु पूरे विश्व में मनाया जाता है। वहीं आज इस मौके पर यानि 5 जून को नगर परिषद नगरोटा बगवां द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया है। नगर परिषद द्वारा इस मौके पर शहर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता रैली आयोजित की गई तथा शहर के स्थानीय निवासियों को आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। RS बाली ने यह भी कहा हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा व खूबसूरत सरकारी हॉटल नगरोटा विधानसभा में बनाया जाएगा। 70 करोड़ रूपए की लागत से इस सरकारी हॉटल का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिमला माल रोड की तरह नगरोटा बगवां के बाजार को बनाया जाएगा। इसको बनाने के लिए 35 करोड़ का खर्च आएगा और यह प्रदेश का सबसे खूबसूरत टाउन बन जाएगा। बता दें कि इस आयोजन को नगरोटा बगवां के पुराने बस स्टैंड पर आयोजित किया गया। इस दौरान वहां पर नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक व प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री रैंक रघुबीर सिंह बाली ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कैबिनेट मंत्री रैंक रघुबीर सिंह बाली ने कहा कि 200 बेड का “मदर एंड चाइल्ड” अस्पताल का नाम स्वर्गीय विकास पुरूष जीएस बाली के नाम पर रखने के लिए सुक्खू सरकार के इस फैसले से मैं कृतज्ञ महसूस कर रहा हूं. सरकार के इस निर्णय की सभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने सराहना की है।
प्रदेश में सरकार बदलने के साथ ही नई सरकार में जन्मे कुछ छुट भैया नेताओं द्वारा आए दिन सोशल मीडिया पर पत्रकारों के ऊपर अभद्र भाषा का प्रयोग कर सुर्खिया बटोरने में लगे हुए हैं। ऐसा ही एक मामला विस क्षेत्र इंदौरा में पेश आया है। यहां नेता के करीबी कुछ छुट भैया नेताओं ने सोशल मीडिया पर पत्रकारों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है, जिसके बाद इंदौरा के समस्त पत्रकारों ने ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ कारवाई करने के लिए कंदरोडी के लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में बैठक की। बैठक में आए दिन कुछ शरारती तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी और भाषा का प्रयोग करते हुए पत्रकारों के मान सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई है। सोशल मीडिया पर हुए वायरल अभद्र टिप्पणियों के बाद पत्रकारों ने संज्ञान लेते हुए ऐसे शरारती और छुट भैया नेताओंके खिलाफ कारवाई अमल में लाने की बात कही है। जल्द ही पत्रकार इसके लिए एक शिकायत पत्र उपायुक्त कांगड़ा और एसपी नूरपुर प्रदेश सरकार और कांग्रेस पार्टी के कांगड़ा जिला अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया और प्रदेश के मुख्यमंत्री को मिलकर ऐसे छुट भैया नेताओ के खिलाफ शिकायत पत्र सोपेगे जो पार्टी और प्रदेश सरकार की छवि को धूमिल करने में अपनी कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
जयसिंहपुर विधानसभा के क्षेत्र ग्राम पंचायत लोअर लंबागांव के धरोड़ में संत शिरोमणि सत गुरु कबीर साहेब की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इसमें बतौर मुख्य अतिथि राज्यसभा के सांसद सिकंदर कुमार का मंदिर कमेटी ने गर्भजोशी से इनका स्वागत किया। कार्यक्रम में जयसिंहपुर के पूर्व विधायक रविंद्र धीमान विशेष रूप से उपस्थित रहे। कबीर सुधार सभा के अध्यक्ष व पूर्व प्रधान शक्ति चंद शास्त्री ने मुख्य अतिथि को सोल व टोपी और स्मृति चिन्ह् देकर सम्मानित किया। साथ में पूर्व विधायक रविंद्र धीमान को टोपी और शाल देकर सम्मानित किया। पूर्व विधायक रविंद्र धीमान ने कबीर साहेब की जीवनी का ब्यख्यान किया तथा उनकी शिक्षा पर चलने को कहा। विधायक ने मंच से पूर्व सीएम शांता कुमार का भी धन्यवाद किया। राज्यसभा के सासंद सिकंदर ने अपने संबोधन कहा कि अंबेडकर भजन के लिए 5 लाख देने की घोषणा की। कबीर मंदिर निर्माण के लिए पांच लाख और मंदिर के लिए पांच लाइट दी। वही लंबागांव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चों जिसमें दिव्या, आंचल, पलबी रनौद, साहिल हर्षित चौहान, सचिन, नीतू, रिया अभिषेक नेहा, रिया, भूमिका,को सांसद सिकंदर कुमार ने सम्मानित किया। कबीर मंदिर में स्थानीय कलाकार इंद्र कुमार और मस्त राम ने भजनों से और महिलाओं ने कीर्तन से मंदिर में बैठे भक्तों भजनों से निहाल किया व मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
नेशनल पब्लिक हाई स्कूल हलेड़ जयसिंहपुर का 10वीं वार्षिक परिक्षा परिणाम सराहनीय रहा है। स्कूल के सभी विद्यार्थी अच्छे अंक लेकर उत्तीर्ण हुए हैं। आशिमा, शाक्षी और रिया ने 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक लेकर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आशिमा ने 93.4 प्रतिशत साक्षी ने 90.40 प्रतिशत, रिया ने 90.28 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। स्कूल के प्रिंसीपल निर्मला राणा ने बताया कि इस रिजल्ट का श्रेय स्कूल के स्टाफ की कड़ी मेहनत और लगन को तथा बच्चों की प्रतिबद्धता को जाता है। आशिमा आगे चल कर इंजीनियर, साक्षी सीए, और रिया एयरफोर्स में जाना चाहती है। वही स्कूल के प्रिंसिपल निर्मला राणा ने इन सभी बच्चों की उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में संस्कृत भारती द्वारा 12 दिवसीय शिविर चालक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। इस शिविर का उद्घाटन प्रसिद्ध उद्योगपति प्रवीण कपूर ने किया। उद्घाटन के पश्चात संस्कृत भारती के कांगड़ा जिला संयोजक डॉक्टर पुरुषोत्तम ने समस्त अतिथियों का परिचय करवाया एवं स्वागत किया। अक्षित द्वारा संकल्प मंत्र का उच्चारण किया गया ।प्रांत सह प्रचार प्रमुख डॉ सत्यदेव ने इस प्रशिक्षण शिविर का प्रस्तावित प्रस्तुत किया। प्रांत शिक्षक प्रमुख डॉ मुकेश ने अपना मुख्यवक्ता उद्बोधन किया। जिसमें प्रशिक्षण वर्ग के महत्व एवं स्वरूप के संदर्भ में जानकारी प्रदान की। मुख्य अतिथि संभाषण के दौरान प्रसिद्ध उद्योगपति प्रवीण कपूर ने उपस्थित सभी प्रशिक्षणार्थियों को संस्कृत के क्षेत्र में अध्ययन हेतु प्रेरणा प्रदान की। विशिष्ट अतिथि आचार्य डॉ रमन व्यास ने बताया कि संस्कृत में बातचीत के माध्यम से हम सभी अपने व्यक्तित्व को प्रभावी बना सकते हैं । इसलिए उन्होंने उपस्थित सभी प्रशिक्षणार्थियों को आयोजित इस वर्ग में भाग ग्रहण करने हेतु प्रोत्साहित किया। इसके पश्चात अध्यक्षीय उद्बोधन के रूप में शशांक जसवाल वार्ड पंच नलेटी ग्राम पंचायत ने सभी प्रशिक्षणार्थियों का स्थानीय वार्ड पंच होने के नाते उन्हें शुभकामनाएं एवं प्रेरणा प्रदान की। अध्यक्षीय उद्बोधन के उपरांत देहरा जनपद बाल केंद्र प्रमुख डॉ के. मनोज्ञा ने वहां उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों, प्रबंधकों, परीक्षार्थियों एवं केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के निदेशक व कर्मचारियों का धन्यवाद किया। वहीं धीरज व अंकिता भट्टी द्वारा इस उद्घाटन कार्यक्रम का संचालन किया गया।शांतिमंत्र के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
लोटस इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल रक्कड़ को शिक्षा निर्देशक ने राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस की मान्यता प्रदान की है, जो कि स्कूल के लिए बड़े गर्व की बात है। राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत शिविर लगाकर सामाजिक कार्यों के द्वारा लोगों को जागरूक किया जाता है। एनएसएस में 11वीं और 12वीं के छात्र शामिल होते हैं। अब स्कूल में पूरे वर्ष कई प्रकार की गतिविधियां करवाई जाएंगी। प्रधानाचार्य पंकज शर्मा की अध्यक्षता में पहली गतिविधि साइकिलिंग के प्रति जागरूकता पर हुई, जिसमें प्रधानाचार्य ने उन्हें साइकलिंग से होने वाले फायदे विद्यार्थियों को समझाए। जैसे कि मोटापे को कम करना, मानसिक स्वास्थ्य को सुधारना, बेहतर नींद आना आदि। इस मौके पर प्रबंधक कमेटी भी उपस्थित रहे।
एससीईआरटी सोलन द्वारा नेशनल मेरिट कम मींस छात्रवृत्ति योजना को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कड़ोआ के 3 छात्रों ने पास करके मेरिट में अपना स्थान बनाया है। इन विद्यार्थियों को 12वीं कक्षा तक प्रतिमाह 1000 रुपये छात्रवृत्ति प्राप्त होगी। प्रधानाचार्य मलकीत सिंह ने छात्रवृत्ति परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों व उनके अध्यापकों तथा अभिभावकों को बधाई दी और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने बताया कि इस छात्रवृत्ति से विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने करने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
लोटस इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल रक्कड़ की आठवीं कक्षा की छात्रा अक्षरा ठाकुर का चयन हिमाचल प्रदेश विधानसभा बाल सत्र में हुआ है जैसे ही यह समाचार स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा को प्राप्त हुआ उसी समय उन्होंने यह समाचार प्रार्थना सभा में सभी छात्रों और अध्यापकों के साथ साझा किया। सभी ने तालियों के साथ अक्षरा को बधाई दी। यह बाल सत्र 12 जून को शिमला में होगा, जिसमें सभी जिलों में से 68 बच्चे भाग लेंगे। अक्षरा ने जो वीडियो भेजी थी, उसके अनुसार बेस्ट शिक्षा मंत्री बनकर शिक्षा में जो खामियां हैंए उन्हें दूर करना चाहती है। अक्षरा ने अपनी इस पूरी सफलता का श्रेय स्कूल के प्रधानाचार्य अध्यापक गणों और अभिभावकों को दिया है अंत में प्रधानाचार्य ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं साल भर होती रहेंगी सभी छात्रों को इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, जिसमें उनके अंदर छिपी प्रतिभाएं बाहर आए अक्षरा की इस उपलब्धि पर उसे बधाई देने के लिए स्कूल की प्रबंधक कमेटी भी उपस्थित रहे।
इंदौरा पुलिस ने शक के आधार पर राहुल नामक व्यक्ति से सोना बरामद किया है। जानकारी देते हुए थाना प्रभारी इंदौरा कुलदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस ग्राम पंचायत भोग्रवां में गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस टीम ने सुबह शक के आधार पर बाइक सवार दो युवकों को रोका। बाइक के पीछे बैठा युवक, जिसके पास बैग था वह डर गया व भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस द्वारा धर दबोचा गया, जिसके बाद उसकी तालाशी ली गई तो उसके पास से 330.300 ग्राम सोना चांदी की अंगुठी व कुछ आर्टीफिशियल ज्वैलरी बरामद की गई। इसका कोई बिल नहीं मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सचिव एवं मीडिया काॅआर्डिनेटर पुनीत मल्ली ने शनिवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र की गलत नीतियों तथा बदले की भावना से कार्य करने से प्रदेश की कांग्रेस सरकार डरने वाली नही है। उन्होंने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल के हकों पर कुल्हाड़ी नही चला सकते और केंद्र सरकार का यह खेल ज्यादा दिनों तक चलने वाला नही है, क्योंकि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में केंद्र से भाजपा का पूरी तरह से सफाया तय हो चुका है और जनता भी अब चुनावों के इंतजार में है। पुनीत मल्ली ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस की एक मजबूत सरकार बनी है जो प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत करने के साथ जनहित व विकास के कार्यों में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने पांच सालों के कार्यकाल में प्रदेश को भारी कर्जे में डूबोया है तथा अब केंद्र की मोदी सरकार गलत निर्णय लेकर प्रदेश की माली हालत को और खराब करने लग पड़ी है। उन्होंने कहा कि अभी कांग्रेस सरकार ने पांच महीने का कार्यकाल ही पूरा किया है, परंतु भाजपा की बैचेनियां लगतार बढ़ती जा रही है, जिससे वे लोगों को गुमराह करने के लिए गलत हथकंडों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा की केंद्र की सरकार को हिमाचल द्वारा ऋण लेने की लिमिट को बढ़ाना चाहिये था, परंतु केंद की मोदी ने उसे कम कर दिया है ताकि प्रदेश विकास की पटरी पर न दौड़ सके। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तो केंद्र की मोदी सरकार ने यह निर्णय क्यों नही लिए, क्यों अपने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को प्रदेश का आर्थिकी सुधारने की सलाह नही दी। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश को महंगाई की दलदल में डूबो कर रख दिया है। भारत का रुपया लगातार गिरता जा रहा है। देश की अािर्थकी स्थिति पूरी तरह से डगमगाई हुई है। ओर केंद्र के नेता हिमाचल में आकर मोदी का गणगान करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के गलत निर्णय प्रदेश का विकास नही रोक सकते।
मुख्य संसदीय सचिव, कृषि, पशु पालन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, किशोरी लाल ने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण और उत्थान के लिये वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि अनाथ, अर्ध अनाथ और विशेष रूप से विकलांग बच्चों, निराश्रित महिलाओं और बुजुर्ग व्यक्तियों के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना आरंभ की गई है। उन्होंने कहा कि अनाथ बच्चे/व्यक्ति अब चिल्ड्रन ऑफ स्टेट कहलायेंगे तथा इनके लिए सरकार ही माता और पिता का दायित्व निभायेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए 101 करोड़ रुपए का मुख्यमंत्री सुख-आश्रय कोष बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहली गारंटी के रूप में प्रदेश के लाखों कर्मचारियों की लंबित मांग को पूरा करते हुए पुरानी पेंशन बहाल कर सेवानिवृत्ति के पश्चात कर्मचारियों उनके परिजनों के भविष्य को पूर्ण रूप से सुरक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि शेष गारंटियों को भी चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने के लिए सरकार प्रयासरत है। सीपीएस ने शनिवार को सामाजिक कल्याण एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे । इस अवसर सीपीएस ने अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग की पात्र महिलाओं को 34 सिलाई मशीने वितरित कीं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जातियों, अन्य पिछड़ा वर्गों, अल्पसंख्यक और विशेष रूप से अक्षम लोगों के सशक्तिकरण के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से अनेक योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के सबसे कमजोर वर्गों के उत्थान के लिये कई कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से इनकी सामाजिक एवं आर्थिक स्थितियों में सुधार किया जा रहा है। किशोरी ने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास में किसी रूप में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी और पूरे क्षेत्र का योजनात्मक रूप में कायापलट कर आदर्श विधान सभा क्षेत्र बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग और जरूरतों को ध्यान में रख विकास को गति प्रदान की जायेगी। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र जम्वाल, एसटी सेल के जिला अध्यक्ष पृथि करोटी, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी अलोक ठाकुर, सतीश जम्बाल, राजेश राणा, दिनेश शर्मा, विक्रम चौधरी, शिव चौधरी , रितिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रोजगार अधिकारी कांगड़ा आकाश राणा ने बताया कि इवान सिक्योरिटी फंक्शन प्राइवेट लिमिटेड, टूटू ज़िला शिमला द्वारा सुपरवाइजर और सिक्योरिटी गार्ड के महिला व पुरुष के 350 पद भरने के लिए 13 जून को उप रोजगार कार्यालय पालमपुर, 14 जून को उप रोज़गार कार्यालय फतेहपुर, 15 जून को उप रोज़गार कार्यालय ज्वाली तथा 16 जून को उपरोजगार कार्यालय ज्वालामुखी में पात्र युवाओं के साक्षात्कार लिए जाएंगे। साक्षात्कार प्रातः साढ़े 10 बजे से आरंभ होंगे। उन्होंने बताया कि पुरूष आवेदकों के लिए शैक्षणिक योग्यता बाहरवीं व दसवीं पास, कद 5 फुट 7 इंच, वजन 60 किलोग्राम से अधिक तथामहिला आवेदकों की लंबाई 5 फुट 3 इंच, वज़न 48 किलोग्राम से अधिक तथा आयु 20 वर्ष से 38 वर्ष रखी गई है। रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा ईएसआई, ईपीएफ व ठहरने की सुविधा तथा प्रतिमाह 12 हजार से 22 हजार वेतन दिया जाएगा व उनका कार्यस्थल हिमाचल, पंजाब व हरियाणा रहेगा। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित तिथियों को अपने मूल प्रमाण पत्रों एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ रोजगार कार्यालय में साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। इसे लेकर अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 9418217918, 82221862918 पर संपर्क किया जा सकता है।
पर्यटन सीजन को देखते हुए विमानन कंपनी स्पाइस जेट ने दिल्ली से धर्मशाला के लिए एक और उड़ान शुरू की है। गगल एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट की दिन में पांच नियमित उड़ानें हो रही हैं। नई उड़ान शुरू होने से दिल्ली से गगल आने वाली उड़ानों की संख्या आठ पहुंच गई है। इनमें स्पाइस जेट की पांच, इंडिगो की दो और एलायंस एयर की एक उड़ान हो रही है। ऑफ सीजन में गगल एयरपोर्ट के लिए तीन से चार उड़ानें होती थीं। पर्यटन सीजन में इनकी संख्या बढ़कर आठ हो गई है। इतनी ही उड़ानें गगल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए होती हैं। इसके अलावा गगल एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए भी एक उड़ान है। एलायंस एयर का विमान सप्ताह में तीन दिन शिमला के लिए भी उड़ान भरता है। हेली टैक्सी भी सप्ताह में तीन दिन धर्मशाला-मंडी-शिमला-चंडीगढ़ रूट पर उड़ान भरती है। पर्यटन सीजन में दिल्ली से गगल एयरपोर्ट के लिए अधिक उड़ानें होने से हवाई किराये में भी काफी कमी आई है। पांच जून के किराये पर नजर दौड़ाएं तो दिल्ली से धर्मशाला का किराया 4700 रुपये से शुरू होकर आठ हजार तक दर्ज किया गया है। उड़ानों की संख्या कम होने पर पर्यटन सीजन के दौरान हवाई किराया 15 से 18 हजार रुपये तक दर्ज किया जा चुका है।
राजस्व जिला नूरपुर की आबकारी टीम ने एक जूनको उलेहिरया खानपुर, गंगवाल, भोगरा तथा मिलवां में छापेमारी के दौरान 13000 लीटर कच्ची लाहन जब्त कर नष्ट की। कुछ दिन पहले भी इसी तरह नूरपुर टीम द्वारा 30000 लीटर कच्ची लाहन को जब्त कर नष्ट की गई थी। आरोपीयों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम-2011 के तहत पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह जानकारी आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग यूनुस ने आज यहां दी।
उपमंडल देहरा की ग्राम पंचायत बड़ा के स्थानीय निवासी मजीद मोहम्मद के परिवार ओर उनके ऊपर मारपीट करने का मामला सामने आया है। मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। देहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो महिलाओं की चीख-पुकार सुनाई दे रही है। मामले में भाजपा नेता मजीद मोहम्मद ने बताया कि पुलिस उनके साथ इंसाफ नहीं कर रही है। शिकायत देने पर भी कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। बताते चलें जमीनी विवाद की वजह से यह झगड़ा हुआ है। भाजपा नेता का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है, इसलिए उन्हें न्याय मिले, इसकी कम ही गुंजाइश है। हालांकि उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है इस मामले में निष्पक्ष जांच हो। वहीँ, एफआईआर में दर्ज बयानों के अनुसार दूसरे पक्ष रवीना बीबी का कहना है कि मजीद मोहम्मद सहित उनके परिवार उनका रास्ता रोककर इनके साथ मार पिटाई की है, जिससे वह जख्मी हुई हैं। वहीं इस संदर्भ में देहरा थाना डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया गया है और तफ्तीश की जा रही है।
बाबा कांशीराम राजकीय उत्कृष्ट विद्यालय डाडासीबा के विद्यार्थियों के लिए जिला परिषद सदस्य पुष्पा मन्हास द्वारा जिला परिषद फंड से 2 वाटर कूलर और एक वाटर कूलर पंचायत को भेंट किए गए। इस मौके पर विशेष रुप से पूर्व कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष ठाकुर सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने रिबन काटकर वाटर कूलर स्कूलों व पंचायत को समर्पित किए। उन्होंने रावमापा डाडासीबा, जीएचएस रोड़ी रोड़ी व रोड़ी कोड़ी पंचायत में ये वाटर कूलर दिए। विद्यालयों की समस्त विद्यालय व स्टाफ सदस्यों की तरफ से प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार ने जिला परिषद पुष्पा मन्हास व ठाकुर सुरेन्द्र सिंह मनकोटिया का धन्यवाद किया तथा भविष्य में भी उनसे इस क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आगे आकर कार्य करने की अपेक्षा की। इस मौके पर डाडासीबा पंचायत के उप प्रधान परमेश्वरी दास, जसवां परागपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुशल सपेहिया, कांग्रेस सेवा दल के सचिव अश्विनी शर्मा व रणजीत परमार आदि मौजूद रहे।
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र की पंचायत रियाली से गुजरने वाले बडूखर-हाजीपुर रोड पर पांच साल से पहले तारकोल विछाई गई थी, उसके बाद मात्र एक बार पैच वर्क किया गया था। लेकिन वह तुरंत ही निकलना शुरू हो गया था। उसके बाद बडूखर-हाजीपुर रोड को देखने कोई विभागीय अधिकारी नहीं आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब कभी नेता हमारे क्षेत्र में आते हैं तब विभाग खड्डों में मिट्टी डालकर चला जाता है। बाद में वही मिट्टी हमारे रखे गए खाने के सामन को खराब करती है। किसान संघर्ष सेवा समिति प्रधान विजय कुमार ने बताया कि हम गांव के लोग आराम से रह रहे थे, मगर जबसे हमारे एरिया में क्रैशर उद्योग स्थापित हुए हैं, तब से यहां जीना दूभर हो गया है। रोड की बात नहीं, बल्कि फसलों को भी बीमारियां पड़ रही हैं। पानी लेवल डाउन हो रहा है और रोड की हालत बद से बदतर हो रही है। रोज हजारों टन क्रेशर मटेरियल की कालाबाजारी लगातार हो रही है, लेकिन प्रशासन ने आंखों पर पट्टी बांध रखी है।
मुख्य संसदीय सचिव, पशुपालन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, किशोरी लाल ने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र का छोटा भंगाल क्षेत्र महत्वपूर्ण स्थान और इसके विकास के लिए धन की कोई कमी आने नहीं दी जाएगी। सीपीएस ने शुक्रवार को मुल्थान में जन समस्याओं को सुना और छोटा भंगाल क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों का साथ समीक्षा की। सीपीएस ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास और सरहनीय कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार, प्रदेश को आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने की दिशा में विशेष प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण विकास को विशेष प्राथमिकता देते हुए गरीब लोगों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने के लिये योजनाओं को बनाकर धरातल पर उतारा जा रहा है। छोटा भंगाल पर्यटकों का पसंदीदा स्थल, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने को प्रतिबद्ध किशोरी लाल ने कहा कि छोटा भंगाल बैजनाथ विधान सभा क्षेत्र का प्रमुख पर्यटक स्थल और बेमौसमी सब्जियों के उत्पादन का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक एवं नैसर्गिक सौंदर्य, जलवायु अपनी समृद्ध संस्कृति के चलते छोटा भंगाल पर्यटकों का भी पसंदीदा स्थान है। यहां वर्ष भर हजारों की संख्या में पर्यटक आते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त छोटा भंगाल क्षेत्र में करोडों रुपये की बेमौसमी सब्जियों का उत्पादन होता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में फल उत्पादन की ओर भी स्थानीय लोगों को प्रेरित करने के लिये विभाग को दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। एक वर्ष में बनेगी बीड़ बिलिंग बड़ाग्रां सड़क सीपीएस ने कहा कि बीड, बिलिंग वया राजगुन्दा बड़ाग्रां सड़क के शेष कार्य के लिये साढ़े 9 करोड़ से कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष में कार्य पूर्ण कर बस सेवा पोलिंग तक आरंभ की जायेगी। उन्होंने कहा कि मुल्थान में 4 करोड़ 26 लाख से संयुक्त कार्यालय परिसर बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि छोटा बंगाल क्षेत्र में बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो। इसके लिए अध्यापको के पदों को शीघ्र भरने के आदेश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि लोकनिर्माण विभाग को मुल्थान कॉलेज भवन के निर्माण को आरम्भ करने के लिये भी निर्देश भी जारी किये गए हैं। उन्होंने कहा कि छोटा भंगाल क्षेत्र में स्वाड़, अन्द्रोंलीमलां तथा बुझलिंग सड़कों का निर्माण की औपचारिकताओं को पूर्ण कर लिया गया है। 108 करोड़ से बनेगी बैजनाथ पपरोला पेयजल और सीवरेज योजना उन्होंने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र का विकास ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बैजनाथ के विकास के कार्यों को गति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बैजनाथ पपरोला में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए 40 करोड़ की लागत से पेयजल योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त नगर पंचायत क्षेत्र में सीवरेज सुविधा के लिए भी 68 करोड़ की योजना बनाई जा रही है। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र जम्वाल, पृथि करोटी, मिलाप राणा, प्रधान मुल्थान संजीव कुमार, अध्यक्ष ब्लॉक युवा कांग्रेस रविंदर राव, शशी राणा, मोहिंदर सिंह रजिंदर कपूर, कुलदीप राणा तहसीलदार पूर्ण चन्द कौंडल, बीडीओ राकेश पटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संत शिरोमणि कबीर की जयंती 4 जून को ग्राम पंचायत लंबागांव के अंतर्गत सदगुरु कबीर साहेब भवन धरोड़ में धूमधाम से मनाई जाएगी। इसमें विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कबीर जयंती पर राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। पूर्व विधायक रविंद्र धीमान विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में बहुत से महिला मंडल, युवक मंडल भाग लेंगे। सदगुरु कबीर साहेब के प्रवचनों का गुणगान, भजन, कीर्तन हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। कबीर समाज सुधार कमेटी जयसिंहपुर के प्रधान शक्ति चंद, मीड़िया प्रभारी हरिदास और सचिव मोहिंदर सिंह ने बताया कि समाज में एक समरसता का वातावरण तैयार हो, बिना भेदभाव के समाज आगे बढ़े, यह कमेटी लगातार इस पर बड़ी मेहनत से कार्य कर रही है।
चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा के सौजन्य से अंतरराष्ट्रीय महिला स्वास्थ्य दिवस को देखते हुए शाहपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम 1 जून को मनाया गया। इसमें आशा वर्कर्स और अन्य महिलाओं ने भाग लिया। इसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि महिलाओं को स्वास्थ्य और प्रजनन संबंधी स्वास्थ्य को समझना बहुत ही जरूरी है। आज महिलाएं जो घर, परिवार, समाज, नौकरी में अपनी जिम्मेदारी को खूबी निभा रही है, उनको स्वास्थ्य रहना बहुत जरूरी है। डॉ. अनुराधा कार्यक्रम अधिकारी धर्मशाला ने महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाएं अपने कामों में व्यस्त रहती हैं और अपने स्वास्थ्य पर बिल्कुल ध्यान नहीं देती। आज की महिलाएं पढ़ी-लिखी हैं, अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए अपने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को इग्नोर कर देती हैं। इससे समय पर बीमारियों का इलाज नहीं करवा पाती। बढ़ती उम्र में हाइपरटेंशन, शुगर की बीमारी कैंसर तक बीमारी पहचानने में देर हो जाती है। आजकल के खानपान और दिनचर्या से यह बीमारियां कम उम्र में भी देखने को मिल रही हैं, इसलिए कोई भी लक्षण होने पर हमेअपना चेकअप स्त्री विशेषज्ञ या अन्य विशेषज्ञों से करवाना जरूरी है। इसमें मुख्य स्तन कैंसर यूटरस कैंसर सरविक्स का कैंसर मुख्य है। हर महिला को अपनी सेहत का ख्याल रखते हुए जल्दी डॉक्टर के पास जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने किशोरावस्था में होने वाले बदलाव तथा माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी विस्तार से चर्चा की।महावारी में स्वच्छता रखने पर हम जननांगों में कई तरह के संक्रमण से बच सकते हैं।
शिष्या स्कूल पठानकोट के साथ ज्ञापन समझौते के तहत मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के चतुर्थ सत्र के प्रशिक्षु अध्यापकों के लिए साप्ताहिक तकनीकी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें सभी प्रशिक्षु अध्यापकों को वर्तमान समय की मांग को देखते हुए शिक्षा की नवीन तकनीकों का इस्तेमाल करना सिखाया गया। उन्हें स्मार्ट बोर्ड इंटरएक्टिव वाइटबोर्ड, प्रोजेक्ट आदि नूतन तकनीकों का उपयोग करना भी सिखाया गया। इस कार्यशाला की विस्तृत जानकारी देते हुए संस्थान के प्राचार्य कमलेश पटियाल ने बताया कि इस तरह कार्यशाला से शिक्षा के क्षेत्र में जुड़े सभी लोगों को वर्तमान समय के साथ तालमेल बैठाने की मदद मिलती है। डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्राइवेट सेक्टर में शिक्षा के परिप्रेक्ष्य में इस तरह के कार्यशाला का आयोजन करने के लिए शिष्या स्कूल पठानकोट का यह प्रयास बहुत ही सराहनीय है। मिनर्वा कॉलेज के छात्रों ने शिष्या स्कूल पठानकोट का इस उपलक्ष्य पर धन्यवाद किया।


















































