जिला रेडक्रास सोसाइटी कांगड़ा के तत्वावधान में 29 मई को जयसिंहपुर के तलवाड़ स्थित बहुतकनीकी संस्थान में एक दिवसीय निशुल्क एकीकृत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के आयोजन को सफल बनाने हेतू आज दिनांक २६ को आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमंडल अधिकारी (ना) जयसिंहपुर संजीव ठाकुर ने बताया कि शिविर का आयोजन बहुतकनीकी संस्थान, तलवाड़ के प्रागण में किया जाएगा। जयसिंहपुर के विधायक यादविंद्र गोमा 29 मई को प्रातः 10 बजे शिविर का शुभारभ करेंगे तथा शिविर में उपायुक्त महोदय कांगड़ा डॉ निपुण जिन्दल भी उपस्थित रहेंगे। शिविर में स्वास्थ्य, आयुष, पशुपालन, कृषि, बागवानी, उद्योग, ग्रामीण विकास, तहसील कल्याण अधिकारी व अन्य विभागों की तरफ से प्रदर्शनिय लगाई जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निशुल्क चिकित्सा जांच, दिव्यांग जनों के लिए सहायता उपकरणें का वितरण व निशुल्क दवा वितरित की जाएगी।
ऐम एकेडमी बागकुंजा का दसवीं कक्षा का वार्षिक परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इसमें अपर लंबागांव के हर्षित चौहान ने 700/ 688 , 98.2℅ अंक लेकर प्रदेश भर में सातवां स्थान हासिल किया। शुक्रवार सुबह स्कूल में मॉर्निग असेंबली में बुलाकर हर्षित चौहान को स्कूल के अध्यक्ष राकेश स्रोच ने हर्षित चौहान और उसके माता को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा सम्मानित किया। हर्षित चौहान ने बताया कि उसे उम्मीद थी कि वह टॉप 5 में आएगा, लेकिन सातवें रैंक पर आया। हर्षित ने बताया कि वह बड़ा होकर कंप्यूटर इंजीनियर बनना चाहता है। उसने इसका सारा श्रेह अपने माता-पिता और अध्यापकों को दिया।
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा कल 10वीं का परिणाम घोषित किया गया, जिसमें उपमंडल इंदौरा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भोग्रवां की बेटियों ने अपने स्कूल का नाम रोशन किया। स्कूल में अंजू बाला ने प्रथम स्थान, अंजली कुमारी द्वितीय व तीसरे स्थान पर रुचि व तनवी रहीं। अंजू ने 666 अंक, अंजली कुमारी ने 651 और रुचि व तनवी ने 633 अंक हासिल किये, वहीं रोहित ने 89 % अंक हासिल किये हैं। अंजु से बातचीत की तो उसने बताया कि वह भविष्य में अध्यापक बनना चाहती है। अंजु के पापा किसान हैं व माता गृहणी। वहीं तनवी ने बताया कि वह अध्यापक बनना चाहती है। तनवी के पिता कंपनी में कार्यरत हैं व माता गृहणी हैं। रुचि ने बताया कि वह स्टाफ नर्स बनना चाहती है। रुचि के पिता कंपनी व माता गृहणी हैं। वहीं स्कूल के प्रधानाचार्य राम कृष्ण शर्मा ने बताया कि स्कूल का परिणाम सराहनीय रहा है। इस सफलता का श्रेय उन्होंने स्कूल के स्टाफ, माता- पिता व बच्चों को दिया। प्रधानाचार्य ने बच्चों व उनके माता - पिता व समस्त स्कूल के स्टाफ को शुभकामनाएं दीं।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड दसवीं परीक्षा परिणाम आज घोषित हुए, जिसमें लॉट्स सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल इंदौरा से 10वीं कक्षा की छात्रा दीपाली ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में 9वां स्थान हासिल कर स्कूल व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दीपाली ने बताया कि वह इंजीनियर बनना चाहती है। दीपाली के पिता का नाम सुनील दत्त पराशर हिमाचल पुलिस में बतौर कांस्टेबल हैं तथा sp आफिस नूरपुर में कार्यरत हैं व माता बीना देवी गृहणी हैं। स्कूल प्रवन्धक अभिषेक चिब्ब प्रधानाचार्य मधु चिब्ब व स्कूल स्टाफ ने दीपाली व उसके माता पिता को बधाई दी व दीपाली के उज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दीं तथा उसे हर सम्भव सहयोग करने की बात कही है।
प्रख्यात प्रेरणात्मक साहित्यकार रवि शर्मा आज किसान नेता व समाजसेवी मनजीत डोगरा से उनके निवास स्थान पर मिले तथा अपनी विश्व प्रसिद्ध पुस्तक सक्सेस एंड यू भेंट की तथा अपनी अनेक साहित्यिक रचनाओं पर विस्तृत चर्चा की। गौरतलब रहे कि रवि शर्मा पंचरुखी क्षेत्र के गांव टिक्कर खास के रहने वाले हैं तथा उनकी पुस्तक सक्सेस एंड यू, तथा जर्नी फ्रॉम मीडियोक्रिटी टू एक्सीलेंस ना केवल भारत के अंदर बल्कि यूरोप के बहुत से देशों में अच्छी खासी प्रसिद्ध हुई है। इसके अतिरिक्त इंटरनेशनल इंग्लिश लैंग्वेज टेस्टिंग सिस्टम में भी रवि शर्मा जी विशेष तौर पर काम कर रहे हैं। मंजीत डोगरा ने प्रेरणात्मक साहित्य में विशेष काम करने पर रवि शर्मा को शुभकामनाएं दी तथा कहा कि निश्चित तौर पर रवि शर्मा जी की रचनाएं युवाओं को उनके भविष्य के संकल्प के प्रति प्रेरणा देंगी, तथा युवा अपने संकल्प में सफलता हासिल कर के राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे। साहित्यकार रवि शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में निशुल्क मोटिवेशनल शिविर लगा रहे हैं, ताकि युवा अपने जीवन में सही निर्णय लेकर, निर्णय के प्रति संकल्पित होकर मेहनत करके अपने जीवन में सफलता हासिल करें।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड सीमित के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना के तहत शामिल करने का भरोसा दिया है। इससे बिजली बोर्ड के लगभग 6500 कर्मचारी लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास तथा उन्नति में सरकारी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक मंे ही पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का निर्णय लिया, जिससे 1.36 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों को लाभ मिला है। प्रदेश सरकार इस योजना के तहत बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को शामिल कर उनके लाभ सुनिश्चित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों का कल्याण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हिमाचल प्रदेश की निरन्तर प्रगति के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों के कल्याण तथा सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को सुरक्षित भविष्य प्रदान कर उन्हें प्रदेश के समग्र विकास में प्रभावी योगदान देने के लिए सक्षम बनाना है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना बहाल करने के साथ-साथ प्रदेश सरकार ने सरकार कर्मचारियों के कल्याण के लिए अनेक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि तीन प्रतिशत मंहगाई भत्ते की किस्त भी जारी कर दी गई है। प्रदेश की चुनौतीपूर्ण आर्थिक परिस्थितयों के बावजूद राज्य सरकार ने दूरदर्शी सोच के साथ प्रदेश के विकास में कोई बाधा नहीं आने दी है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने बिना किसी बजट के प्रावधान के घोषणाएं की लेकिन उनके लाभ कर्मचारियों को नहीं मिल पाए, जबकि वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य की आर्थिक स्थिति में सुधार के साथ ही सभी बकाया देनदारियां चुकाने के लिए प्रतिबद्ध है।
***कुल्लू जिले के स्नॉवर वैली पब्लिक स्कूल बजौरा की छात्रा मानवी ने 99.14 प्रतिशत (694) अंक लेकर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। हमीरपुर जिले के सीनियर सेकेंडरी स्कूल चूबतरा की छात्रा दीक्षा कथयाल ने (693) 99 प्रतिशत अंक लेकर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं हमीरपुर जिले के ही दो छात्रों ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया है। न्यू इरा सीनियर सेकेंडरी स्कूल परोल के छात्र अक्षित शर्मा और सीनियर सेकेंडरी स्कूल बदारान के छात्र आकर्षक ठाकुर ने 98.86 प्रतिशत (692) अंक लेकर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने बताया कि 91440 विद्यार्थियों ने 10वीं कक्षा की परीक्षा दी थी जिसमें से 81732 विद्यार्थी परीक्षा में पास हुए हैं और 7534 विद्यार्थी परीक्षा में फेल हुए हैं। उन्होंने ने बताया कि इस बार का परिणाम 89.7 प्रतिशत रहा है। वर्ष 2022 में 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 87.5 प्रतिशत रहा था। सचिव डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने बताया कि विद्यार्थी शिक्षा बोर्ड की बेवसाइट पर परिणाम चेक कर सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने बताया कि परिणाम 89.7 प्रतिशत रहा है। 91440 विद्यार्थियों ने 10वीं कक्षा की परीक्षा दी थी। 81732 विद्यार्थी परीक्षा में पास हुए हैं। 7534 विद्यार्थी परीक्षा में फेल हुए हैं। वर्ष 2022 में 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 87.5 प्रतिशत रहा था। सचिव डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने बताया कि विद्यार्थी शिक्षा बोर्ड की बेवसाइट पर परिणाम चेक कर सकते हैं।
उपमंडल ज्वालामुखी के अंतर्गत बिजली बोर्ड में अप्रेंटशिप कर रहा सिलह गांव का सौरभ जम्वाल मझीन में एक बिजली के खंभे पर रिपेयरिंग करने चढ़ा था कि अचानक करंट लगने की वजह से नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई है। जानकारी मिलते ही सब डिवीजन मझीन के एसडीओ भी मौके पर पहुंचे। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ज्वालामुखी अस्पताल लेकर जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे टांडा रेफर कर दिया। वहीं इस संदर्भ में एसडीओ बिजली विभाग सब डिवीजन मझीन सुमित कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि विभाग युवक की हरसंभव मदद कर रहा है और आगे जो भी जरूरत होगी सहायता की जाएगी। सौरभ के पिता अजय कुमार सिलह पोस्ट ऑफिस में कार्यरत हैं।
बुधवार को बरोह के पास एक गाड़ी नंबर एचपी 54 सी 9976 से 42750 मिलीलीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई है। पुलिस चौकी प्रभारी सचित कालिया की अगुवाई में एएसआई सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल संजीव कुमार, कांस्टेबल लेख राज व एचएचसी राजेश कुमार की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बरोह की तरफ आती एक गाड़ी को जांच के लिए रोका गया। जांच के दौरान गाड़ी में पांच पेटी देसी शराब की बरमाद की गई। पुलिस प्रभारी सचित कालिया ने बताया कि अवैध शराब के साथ गाड़ी को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, एसपी नूरपुर अशोक रत्तन ने बताया कि आरोपी की पहचान नरेश कुमार पुत्र केहर सिंह निवासी गांव बट्ट बहलूँ डाकघर खरोटा तहसील ज्वाली जिला कांगड़ा की गई है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड पेंशनर कल्याण संघ की बैठक बुधवार को जोधामल सराय धर्मशाला में संपन्न हुई। सभा के प्रधान कर्मचंद राठौर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बतौर मुख्यातिथि स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव मेजर विशाल शर्मा ने शिरकत की। वहीं सेवानिवृत संयुक्त सचिव जगदीश पुरी ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें कर्मचंद राठौर को पुनः प्रधान पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं कश्मीर सिंह को उपप्रधान, कुलदीप वालिया को महासचिव, लालमन को वरिष्ठ उपप्रधान, सुरेंद्र चौधरी को मुख्य संरक्षक, चुनीलाल धीमान को संयुक्त सचिव और मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा गया। अरूण चौधरी को सहायक सचिव, सुखदेव शर्मा को कोषाध्यक्ष, मोना कुमारी को महिला प्रधान तथा आशा शर्मा को महिला सचिव के पद पर नियुक्त किया गया।
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत खरीदी गई 15 इलेक्ट्रिक बसों में लोग सफर कर पाएंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज अंतरराज्यीय बस अड्डा धर्मशाला से बसों को हरी झंडी दिखाई है। सभी बसें हिमाचल पथ परिवहन निगम के निर्धारित रूट पर दौड़ेंगी। बसों को कुछ दिन पुर्व ट्रायल के तौर पर चलाया गया था। 45 से 50 मिनट में होंगी चार्ज इलेक्ट्रिक बसें 45 से 50 मिनट में चार्ज हो जाएंगी और 180 किलोमीटर चलेंगी। हालांकि चालकों को ये निर्देश दिए हैं कि जब बैटरी 20 प्रतिशत रह जाए तो बसें न चलाएं और इन्हें चार्जिंग स्टेशनों में चार्ज करें। होगा पर्यावरण संरक्षण इलेक्ट्रिक बसों के चलने से हरित परिवहन को बल मिलेगा। इससे पर्यावरण संरक्षण होगा। डीजल व पेट्रोल से चलने वाले वाहनों के कारण पर्यावरण दूषित होता है। इसके तहत ही स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इलेक्ट्रिक बसों को चलाने की दिशा में कदम उठाया है। स्मार्ट सिटी के तहत परिवहन विभाग के माध्यम से 18.50 करोड़ रुपये से बसों की खरीद की गई है, जबकि 2.50 करोड़ रुपये से चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। सीएम ने बस टर्मिनल का किया भूमिपूजन मुख्यमंत्री इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने के साथ बस टर्मिनल धर्मशाला का भूमिपूजन भी किया । करीब 20 कनाल भूमि में बस टर्मिनल का निर्माण पीपीपी मोड यानी पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत किया जाना है।
भारतीय डाक विभाग के मंडलीय कार्यालय देहरा में नव निर्मित डाक प्रशिक्षण केंद्र डब्ल्यूटीसी देहरा का उद्घाटन वंदिता कोल चीफ पोस्टमास्टर जनरल, शिमला के द्वारा किया गया। यह डाक प्रशिक्षण केंद्र लगभग 11.50 लाख की लागत से तैयार किया गया है, जिसमें सभी आधुनिक कंपूटरीकृत उपकरण उपलब्ध है। इस डाक प्रशिक्षण केंद्र के बनने से देहरा मंडल के अंतर्गत लगभग 700 से 800 विभागीय कर्मचारियों को फायदा मिलेगा। मुख्य अतिथि वंदिता कौल ने बताया कि देहरा में डाक प्रशिक्षण केंद्र खुलने से स्थानीय कर्मचारियों को विभागीय व व्यवसायिक प्रशिक्षण देहरा में ही दिया जा सकेगा जिससे भारतीय डाक के उत्पादों और सेवाओं को उच्चतम गुणवत्ता के साथ आम ग्राहकों को प्रदान करने में कारगर सिद्ध होगा। उन्होंने बताया की देहरा डाक मंडल हमेशा ही परिमंडल स्तर पर अच्छा कार्य करता रहा है और इस वितीय वर्ष में भी बहुत सारी विभागीय सेवाओं में देहरा प्रथम स्थान पर बना हुआ है, जिसकी उन्होंने प्रसंशा की है। इस मौके पर डाक अधीक्षक देहरा बलबीर चंद ने बताया कि जिन प्रशिक्षणों के लिये विभागीय कर्मचरियों को पहले शिमला, ऊना व धर्मशाला जाना पड़ता था, अब वह प्रशिक्षण स्तर इस प्रशिक्षण केंद्र के खुलने से देहरा में उपलब्ध हो जाएगा, जो कि विभागीय कर्मचारियों के लिए बहुत लाभकारी सिद्ध होगा। इसके अलावा वंदिता कौल, चीफ पोस्टमास्टर जनरल, शिमला द्वारा पौधारोपन भी देहरा डाकघर के परिसर में किया गया।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला में आयोजित जाईका की वानिकी एवं प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन परियोजनाओं (एनआरएम) की तीन दिवसीय 12वीं वार्षिक कार्यशाला को धर्मशाला से वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश के हरित आवरण को बढ़ाने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में, राज्य में लगभग 28 प्रतिशत हरित आवरण है और प्रदेश सरकार ने वर्ष 2030 तक इसे बढ़ाकर 30 प्रतिशत करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए लिए जाईका द्वारा वित्त पोषित वानिकी और एनआरएम परियोजनाओं ने राज्य में हरित क्षेत्र को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पिछले दो वर्षों में, उन्नत तकनीकों की मदद से 4 हजार 600 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर पौधारोपण किया गया है। सामुदायिक और वानिकी उद्देश्यों के लिए परियोजनाओं के माध्यम से उच्च गुणवता वाली पौध तैयार करने तथा 60 लाख से अधिक महत्वपूर्ण गुणवतापूर्ण प्रजातियों के पौधे विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त, राज्य भर में 72 नर्सरी का नवीकरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल जैसे कृषि प्रधान राज्य में वन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रदेश की अधिकांश आबादी अपनी आजीविका और अन्य रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए वन संसाधनों पर अधिक निर्भर है। जलवायु परिवर्तन पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्हांेने पर्यावरण हितैषी संसाधनों और समाधानों की खोज तथा वन संपदा को संरक्षित एवं बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने सात जिलों में 460 ग्राम वन विकास समितियों (वीएफडीएस) और 900 से अधिक स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के गठन के माध्यम से संयुक्त वन प्रबंधन गतिविधियों के सुदृढ़ीकरण के लिए परियोजना के प्रयासों की सराहना की। परियोजना में वन आधारित समुदायों और वन विभाग के कर्मचारियों के लिए कौशल उन्नयन और क्षमता निर्माण को भी प्राथमिकता दी गई है। जलवायु परिवर्तन और अन्य आपदाओं से उत्पन्न जोखिमों को कम करने के उद्देश्य से 15 हजार से अधिक व्यक्तियों को आजीविका गतिविधियों और वनों के सुधार के दृष्टिगत प्रशिक्षित किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के फतेहपुर ब्लॉक के रियाली तहसील के अंतर्गत स्थति राजकीय सीनियर सेकेंडरी विद्यालय के बच्चों ने तंबाकू की रोकथाम से जुड़े कोटपा कानून के बारे जागरूकता रैली निकाली। यह रैली नाडा इंडिया फाउंडेशन के तत्वावधान में निकाली गई। रियाली विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं स्काउट एंड गाइड यूनिट के सहयोग से यह रैली आयोजित की गई। रैली के माध्यम से तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को आगाह किया गया। विद्यार्थियों को तंबाकू मुक्त होने की शपथ दिलाई गई। विद्यालय के शिक्षक एवं स्टाफ ने जीवन में तंबाकू का प्रयोग नहीं करने का वचन लिया। इस अवसर पर स्कूल के प्रिंसिपल कमल किशोर शर्मा ने कहा कि हर साल तंबाकू के इस्तेमाल से 13 लाख लोग अपनी जान से हाथ धो बैठते हैं, जो कि चिंता का विषय है। तंबाकू उद्योग का लक्ष्य युवा वर्ग एवम बच्चे होते हैं। इस कारण तंबाकू से दूर रहने के लिए जागरूकता कार्यकर्मो का महत्व है। संस्कृत के अध्यापक शास्त्री राजनय तिवारी ने जानकरी देते हुए कहा कि स्कूल के 100 गज क्षेत्र में तंबाकू उपयोग को लेकर वैधानिक चेतावनी बोर्ड लगे हैं। सामयिक मीटिंग में स्थानीय दुकानदारों को शामिल किया जाता है। पंचायत को इसकी साथ जानकारी दी जाती है। स्कूल के स्काउट गाइड के साथ तंबाकू उत्पादों के ऊपर निकाली गई रैली में 'युवा जागेगा तंबाकू भागेगा' नारे का महत्व रेखांकित किया गया। विद्यार्थियों की भागीदारी से तंबाकू की रोकथाम की दिशा में एक सराहनीय पहल ली गई। जागरुकता रैली में कुल 200 विद्यार्थियों समेत समस्त स्कूल स्टाफ ने भाग लिया। नाडा इंडिया युवा नेटवर्क के सदस्यों ने इसमें बढ़ चढ़कर साथ दिया। कोटपा अधिनियम 2003 एवम विश्व तंबाकू निषेध दिवस के तहत नाडा इंडिया फाउंडेशन ने युवाओं के माध्यम से प्रदेश स्तरीय इस कैंपेन की शुरुआत शिक्षा विभाग के सहयोग से की है। इसका मुख्य उद्देश्य कैंपस में स्वास्थ को सुनिश्चित करना है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के संदेश जन जन में ले जाने का काम हो रहा है। स्वास्थ मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आगामी 31 मई विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर देश भर में कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।
राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के निर्माण से पूरे देश में उत्कृष्ट सरकारी स्कूलों का एक सफल मॉडल विकसित होगा। जिला कांगड़ा के दौरे पर पहुंचे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज जिले के विभिन्न क्षेत्रों में डे-बोर्डिंग स्कूलों के लिए चिन्हित जमीन का निरीक्षण करते हुए यह शब्द कहे। इस दौरान कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार, विधायक फतेहपुर भवानी पठानिया, विधायक शाहपुर केवल सिंह पठानिया और विधायक इंदौरा मलेंद्र राजन भी साथ रहे। रोहित ठाकुर ने आज जवाली विधानसभा के ठंगर, शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के डोहब और फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के मंजार में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सुक्खू के निर्देशानुसार वे जिला कांगड़ा में डे-बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण के लिए चयनित भूमि के निरीक्षण के लिए दौरे पर आए हैं। उन्होंने बताया कि जवाली विधानसभा के अन्तर्गत ठंगर में लगभग 53 कनाल और शाहपुर के डोहब में लगभग 76 कनाल भूमि डे-बोर्डिंग स्कूल के निर्माण के लिए चिन्हित कर ली गई है। उन्होंने बताया कि इन दोनों स्थानों में बहुत जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। वहीं फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के मंजार में डे-बोर्डिंग स्कूल के निर्माण के लिए लगभग 80 कनाल भूमि उन्होंने आज देखी। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग के नाम होने के बाद यहां भी डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण शुरु कर दिया जाएगा। विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होंगे डे-बोर्डिंग स्कूल रोहित ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के बच्चों के लिए शिक्षा के उत्कृष्ट केंद्र विकसित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा में बनने वाला डे-बोर्डिंग स्कूल विश्वस्तरीय व्यवस्थाओं से लैस होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेशानुसार लगभग 100 कनाल भूमि पर लगभग 70 करोड़ की लागत से इन स्कूलों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर में इन स्कूलों में पांचवी कक्षा तक पढ़ाई करवाई जाएगी। उसके बाद चरणबद्ध तरीके से इन्हें बारहवीं कक्षा तक स्तरोन्नयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को हर सुविधा उपलब्ध हो इसलिए इनका निर्माण जिला या उपमंडल मुख्यालय के 5 किलोमीटर रेडियस में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विकास को गति देने के लिए कर्मचारियों और आम आदमी से सहयोग का आग्रह किया जिला कांगड़ा दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। धर्मशाला स्थित मिनी सचिवालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिला की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के बारे में अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को विकास परियोजनाओं के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने से यहां पर पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी जिससे राज्य सरकार के राजस्व में बढ़ोतरी होगी और स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगेे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार के सभी प्रयासों के परिणाम आगामी तीन वर्षों के भीतर सामने आएंगे। बैठक के दौरान ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य की ऋण सीमा को 5,500 करोड़ रुपये कम करने के बावजूद प्रदेश सरकार ने कांग्रेस पार्टी के प्रतिज्ञा-पत्र को अक्षरशः पूरा करते हुए कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन को बहाल किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने संसाधनों को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी के अनुरूप जल-उपकर लगाने का निर्णय लिया गया है और राज्य की 87 परियोजनाओं को इस अधिनियम के तहत पंजीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि शराब की दुकानों की नीलामी के निर्णय के परिणामस्वरूप राजस्व में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। प्रदेश को विकास पथ पर आगे ले जाने के लिए राज्य सरकार के दृढ़ निश्चय पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की। उन्होंने हरित ऊर्जा, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्रों में राज्य सरकार के महत्त्वपूर्ण सुधारों के बारे में भी चर्चा की। राज्य के लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें, इसके लिए प्रशासनिक सुधार भी किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनका इरादा केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन सुनिश्चित करना है ।
इंदौरा-पठानकोट वाया डाह कुलाड़ा मुख्य सड़क मार्ग पर पिछले कुछ दिनों से रात के समय अज्ञात लोगों द्वारा पोल्ट्री फार्म के मृत मुर्गे व अन्य गंदगी जगह-जगह फेंके जाने से लोगों को कई जगह पर गंदगी व बदबू की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इससे जहां बीमारी भी फैलने का डर है तथा अराजकता भी फैल रही है। आज ग्राम पंचायत राजाखासा के गांव चंगराड़ा में मुख्य मार्ग पर बड़ी बंद बोरी से फैली बदबू ने कुछ बड़ा मृत होने से यहां दहशत पैदा कर दी तो गांव के सुशील कुमार, अमृत लाल, सर्वजीत कटोच, नितिन ठाकुर, कुलविंदर शर्मा आदि लोगों ने पुलिस को सूचित किया तब पुलिस टीम ने बोरी को काट कर देखा तो उसमें भी मृत मुर्गे ही पाए गए, जिन्हें जे सी बी से गड्डा निकाल कर दबाया गया। इस संदर्भ में थाना प्रभारी इन्दौरा कुलदीप शर्मा ने बताया कि सभी निकतबर्टी पंचायतों में चल रहे पोल्ट्री फार्म की जानकारी मांगी है व इधर उधर मृत मुर्गे आदी गंदगी फैला रहे शरारती तत्वों को चेताया है कि सुधर जाएं वर्ना ऐसा करने पर अगर जो भी पकड़ा जाता है उसे बक्श नहीं जाएगा व उसके खिलाफ बनती कड़ी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिले में तीन ग्रीन कॉरिडोर के विकास के दृष्टिगत आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। प्रस्तावित गलियारों में परवाणु-नालागढ़-ऊना-हमीरपुर-संसारपुर टैरेस, बिलासपुर-हमीरपुर-कांगड़ा और मंडी-धर्मशाला-कांगड़ा शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इन कॉरिडोरों पर इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान करने और विद्युत चालित वाहनों के लिए चार्जिंग संबंधी बुनियादी ढांचे तक सुविधाजनक पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने ईवी उपयोग को सुविधाजनक बनाने के लिए शहरों के भीतर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के महत्त्व पर भी बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 31 मार्च, 2026 तक हिमाचल प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इलेक्ट्रिक वाहनोें की इस लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका होगी। इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश मंत्रिमंडल ने हाल ही में राजीव गांधी स्वरोजगार योजना-2023 को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत ई-टैक्सियों, ई-बसों और ई-ट्रकों की खरीद पर 50 प्रतिशत की सब्सिडी प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस योजना के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों को अगले 10 दिनों के भीतर हितधारकों के साथ एक बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए। इलेक्ट्रिक वाहनों केे पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत कर धीरे-धीरे सभी सरकारी वाहनों को ईवी में परिवर्तित करना सरकार का लक्ष्य है। राजीव गांधी स्वरोजगार योजना, स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के नवीन अवसर प्रदान करने के साथ-साथ सरकारी विभागों को इलेक्ट्रिक वाहन सेवा प्रदाताओं की सेवाएं लेने में सहायक सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ई-वाहनों को बढ़ावा देकर सुलभ व सशक्त परिवहन सुविधा प्रदान करने और कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को अपनाकर हिमाचल हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नेतृत्व और धरती के स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य में योगदान देना चाहता है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज धर्मशाला में जिला कांगड़ा को राज्य की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए कार्यान्वित की जा रही पर्यटन और अन्य प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कांगड़ा जिला में जल, साहसिक, धार्मिक और स्वास्थ्य पर्यटन को बढ़ावा दे रही है और इससे संबंधित आधारभूत ढांचा विकसित करने के लिए लगभग 3000 करोड़ व्यय किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए हवाई संपर्क आवश्यक है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार और रक्कड़ तथा पालमपुर में हेलीपोर्ट का निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार पारंपरिक पर्यटन स्थलों के जीर्णोंद्धार पर दृढ़ता से कार्य कर रही है और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ट्रैकिंग रूट्स की पहचान करने के भी निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने परियोजना को समय सीमा के भीतर पूरा करने और एफसीए (वन संरक्षण अधिनियम) और एफआरए (वन अधिकार अधिनियम) की मंजूरियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे के रनवे की लंबाई पहले चरण में कुल 1900 मीटर और दूसरे चरण में 3010 मीटर तक बढ़ाने की योजना है, जोकि ए-320 प्रकार के विमानों के संचालन के लिए उपयुक्त होगा। उन्होंने कहा कि पहले चरण के लिए अधिग्रहण की कुल लागत 572.07 करोड़ रुपये है और एसआईए रिपोर्ट 9 मई, 2023 को प्राप्त की गई है। उन्होंने कहा कि रक्कड़ और पालमपुर में हेलीपोर्ट के विकास के लिए साइटों की पहचान कर ली गई है। रक्कड़ हेलीपोर्ट की अनुमानित लागत 6.66 करोड़ रुपये और पालमपुर हेलीपोर्ट की 9 करोड़ रुपये है। मुख्यमंत्री ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ज्वालाजी में हेलीपोर्ट के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि मटौर-शिमला और पठानकोट-मंडी राजमार्गों को सुविधाजनक बनाने के लिए 5 मीटर की मध्यम चौड़ाई के साथ चार लेन तक विस्तारित किया जाएगा। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि धर्मशाला में 130 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर प्रस्तावित है और यह जिला कांगड़ा में सम्मेलन पर्यटन को प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए 2.19 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरोटा में प्रस्तावित वेलनेस रिजॉर्ट और हाई एंड इंटरनेशनल फाउंटेन के लिए 5.75 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है और यहां एक कृत्रिम झील का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विरासत गांव गरली में एक गोल्फ कोर्स का निर्माण भी प्रस्तावित है, जो लगभग 318 कनाल भूमि में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सकोह में आइस स्केटिंग रिंक और रोलर स्केटिंग रिंक के लिए दो हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। परियोजना को व्यवहार्य बनाने के लिए 12 कनाल अतिरिक्त भूमि की पहचान की गई है और एशियाई विकास बैंक द्वारा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि नरघोटा में पर्यटन गांव बनाने का प्रस्ताव है और इसके लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। जिस स्थान पर पर्यटक गांव का निर्माण प्रस्तावित है, वहां हिमुडा के पास 25 हेक्टेयर भूमि है। हिमुडा की भूमि के समीप निजी भूमि का भी अधिग्रहण प्रस्तावित है, जिसकी पहचान भी कर ली गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पालमपुर के समीप डेस्टिनेशन रिजॉर्ट का निर्माण करने के लिए मैंझा में भूमि चिन्हित कर पर्यटन विभाग को हस्तांतरित कर दी गई है। पालमपुर और नगरोटा बगवां नगरों में विकास के दृष्टिगत सौंदर्यीकरण की परियोजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। पालमपुर शहर के सौंदर्यीकरण के तहत 58 करोड़ रुपये की कुल लागत से एचआरटीसी बस स्टैंड के पास एक बहुस्तरीय पार्किंग का निर्माण, पुरानी सब्जी मंडी के पास एक पार्किंग, भंडारण एवं वर्षा जल संचयन सुविधाएं, एक पर्यटक स्वागत केंद्र, सड़कों और गलियों का सौंदर्यीकरण व उन्नयन, न्यूगल कैफे का जीर्णोद्धार, तथा लैंडस्केप संवर्धन कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नगरोटा बगवां सौंदर्यीकरण परियोजना के तहत पुराने बस स्टैंड, गांधी मैदान, नारदा शारदा मंदिर, मटौर गार्डन और बरोह का सौंदर्यीकरण कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पौंग बांध में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना पर भी कार्य चल रहा है। अपेक्षाकृत उथले पानी के लिए जाना जाने वाला नंगल चौक क्षेत्र को पर्यटन केंद्र के विकास के दृष्टिगत वन्यजीव अभयारण्य से बाहर रखा जाएगा। इस हब में गर्म हवा के गुब्बारे, जेटी, एंगलिंग केन्द्र, एंगलर हट्स, पैडल बोट और पेंटबॉल और रॉक क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियों के साथ एक मनोरंजन पार्क जैसी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध होंगी। डाडासीबा में नंगल चौक क्षेत्र पंजाब की ओर से सुलभ है। यह पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य क्षेत्र है। धमेटा क्षेत्र से सटे मथियाल और कठरा खास, जल साहसिक खेलों और प्रशिक्षण सुविधाओं के लिए उपयुक्त स्थान हैं। इन क्षेत्रों को मोटरबोट की सवारी, क्रूज़, नौका अनुभव और रोमांचकारी राइड के लिए विकसित किया जा सकता हैै। उन्होंने एक बारहमासी नाले के साथ-साथ 1.2 किलोमीटर तक फैली एक कृत्रिम झील बनाने के लिए एक उपयुक्त स्थान की पहचान करने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने देहरा विधानसभा क्षेत्र के बनखंडी क्षेत्र में प्राणी उद्यान की योजना पर भी चर्चा की। 195 हेक्टेयर भूमि पर बनने वाले इस पार्क का उद्देश्य आगंतुकों को बेहतरीन अनुभव प्रदान करना है। यह उम्मीद है कि मोनोरेल से जंगली प्राणी दिखाई देंगे और उन्हें खुले बाड़ों में रखा जाएगा। पार्क के लिए केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) से जून माह तक अनुमति प्राप्त होने की उम्मीद है। इसके प्रथम चरण के विकास में लगभग 260 करोड़ रुपये व्यय होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत संस्थागत देखभाल की आवश्यकता वाले लोगों के लिए एकीकृत केंद्र का निर्माण भी प्रस्तावित है। यह ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र की लूथन पंचायत में लगभग 120 कनाल भूमि पर बनाया जाएगा। इसको स्थापित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए मुख्यमंत्री ने सलाहकार नियुक्त करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण की भी समीक्षा की। मंत्रिमण्डल ने कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर, पालमपुर, शाहपुर, नगरोटा बगवां, जवाली और जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में इन स्कूलों के निर्माण को मंजूरी दी है। बैठक में उपस्थित विधायकों ने कांगड़ा जिला को राज्य की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित के लिए बहुमूल्य सुझाव भी दिए। कृषि मंत्री चंद्र कुमार, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली, मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल और किशोरी लाल, विधायक सुधीर शर्मा, भवानी सिंह पठानिया, केवल सिंह पठानिया, संजय रत्न, यादवेंद्र गोमा और मलेंद्र राजन, प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय महाजन, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल, जिला के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
एम अकैडमी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बागकुलजां (जयसिंहपुर) ने स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। 20 मई को हिमाचल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा निकाले गए 12वीं के परिणाम में एम अकैडमी जयसिंहपुर की छात्रा प्रिया ने साइंस स्ट्रीम में 11वां रैंक हासिल किया है। आज स्कूल संचालक राकेश स्रोच ने प्रिया के साथ सभी उत्कृष्ट छत्रों को स्कूल की मॉर्निग असेंबली में बुलाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल के संचालक राकेश स्रोच के साथ स्कूल के प्रधानाचार्य आशु व उनके साथ स्कूल का स्टाफ भी उपस्थित रहा। संचालक राकेश स्रोच और प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया और उज्जवल भविष्य की कामना की।
हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के राज्य चेयरमैन व जिला कांगड़ा प्रभारी सचिन जसवाल व फतेहपुर खंड की समस्त कार्यकरिणी ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर व स्थानीय विधयाक भवानी सिंह पठानिया का पुरानी पेंशन योजना बहाल करने पर आभार व्यक्त किया। संघ ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, विधायक भवानी पठानिया, उच्च शिक्षा निदेशक अमरजीत शर्मा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया। इस दौरान सचिन जसवाल ने स्थानीय विधायक के माध्यम से रोहित ठाकुर को एक मांग पत्र सौंपा। इसमें विभिन्न वर्गों के अध्यपकों की चिर लंबित मांगों के उचित निर्धारण के लिए मांग की। इस दौरान जसवाल ने हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के साथ बैठक के आयोजन के बारे में चर्चा की। संघ की तरफ से फतेहपुर से नरदेव पठानिया, प्रकाश पठानिया,प्रमोद राणा, सुरिंदर कुमार, मदन लाल, रमन भारती, रशपाल, शौकत अली, अर्जुन सलारिया आदि माजूद रहे।
कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट पर पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि कांगड़ा को कैसे विकास की पटरी पर आगे ले जाया जाए, इस दिशा में काम करने के लिए वह कांगड़ा आए हैं और दो दिन तक यहां तमाम विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके रिव्यू करने का प्रयास करेंगे कि कैसे कांगड़ा को पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जाए। सीएम सुक्खू ने शीतकालीन प्रवास की बजाय गर्मियों में कांगड़ा प्रवास को व्यवस्था परिवर्तन का हिस्सा बताया और कहा कि यही व्यवस्था परिवर्तन है, मगर हां प्रवास कुछ नहीं होता, जनता की तहेदिल से सेवा करना ही सबसे बड़ा प्रवास है, चाहे वह शीतकाल में हो या गृष्मकाल में। उन्होंने कहा कि वह कई मर्तबा इस वाक्या को दोहरा चुके हैं कि वो सत्ता सत्ता सुखभोगने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए आए हैं। कांगड़ा में ऑल ओवर विकास कैसे हो इसके लिए वह बाकायदा तीन हजार करोड़ रुपए का भी प्रावधान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह जनता की कसौटी पर खरा उतरने की पूरी-पूरी कोशिश करेंगे, वह पहले ही कह चुके हैं कि प्रदेश की जनता कर्ज के बोझ तले दबी हुई है। बावजूद इसके महज चार साल के अंतराल में ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था पटरी पर आएगी और दस साल में हिमाचल देश का सबसे समृद्ध और अमीर राज्य बनेगा, ये उनका दावा है, वहीं उन्होंने धर्मशाला को प्रदेश की दूसरी राजधानी के दर्जे पर कहा कि वह सिर्फ कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के तौर पर विकसित करना चाहते हैं और उसी दिशा में काम भी कर रहे हैं। लोकसभा के चुनावों पर उन्होंने कहा कि अभी लोकसभा के चुनाव साल 2024 में हैं, मगर अभी उन्हें जनता की सेवा करनी है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार सुबह कांगड़ा दौरे पर पहुंचे। कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, सीपीएस आशीष बुटेल, विधायक सुधीर शर्मा, रघुवीर बाली, केवल सिंह पठानिया, यादविंद्र गोमा, भवानी सिंह पठानिया इत्यादि ने गगल एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री 11 बजे उपायुक्त कार्यालय सभागार में जिले के लिए प्रस्तावित तथा चल रही पर्यटन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। उनका रात्रि ठहराव सर्किट हाउस धर्मशाला में रहेगा। मुख्यमंत्री 24 मई को प्रातः साढ़े 10 बजे उपायुक्त कार्यालय सभागार में ग्रामीण विकास, राजस्व, सामाजिक कल्याण, कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य एवं रेशम पालन विभागों की परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। वे उसके उपरांत लोक निर्माण विभाग, जल शाक्ति, वन,ऊर्जा एवं बहुउद्देशीय परियोजना सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे।
प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 23 से 31 मई तक कांगड़ा जिला के प्रवास पर रहेंगे। इस अवधि के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर लोगों को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे तथा जन जनसमस्याएं सुनेंगे। मुख्यमंत्री 23 मई को शिमला से रवाना होंगे और प्रातः 9.30 बजे गग्गल हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके उपरांत वह धर्मशाला में पर्यटन विकास से संबंधित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। मुख्यमंत्री 24 मई को धर्मशाला में विभिन्न विभागों तथा पर्यटन से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। सीएम सुक्खू 25 मई को धर्मशाला में सार्वजनिक परिवहन के लिए इलेक्ट्रिक बसों को हरी झण्डी दिखाएंगे तथा मैक्लोडगंज बस अड्डे का भूमि पूजन भी करेंगे। वह ढगवार दुग्ध संयंत्र तथा धौलाधार जैव विविधता पार्क का दौरा करने के उपरांत जनसमस्याएं सुनेंगे। मुख्यमंत्री 26 मई को देहरा में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वह 27 मई को नई दिल्ली में नीति आयोग के शासी निकाय की बैठक में भी शामिल होंगे। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 28 मई को धर्मशाला में एन.पी.एस. संघ द्वारा आयोजित आभार रैली में शिरकत करेंगे। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 31 मई को कांगड़ा जिला के फतेहपुर में विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री के कांगड़ा जिला के प्रवास से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। वह प्रवास के दौरान आम लोगों से भेंट भी करेंगे। इससे आम लोगों को अपनी समस्याओं को सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी। वह निःसंकोच अपनी समस्याओं व मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष अपना पक्ष प्रस्तुत कर पाएंगे।
लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश भर में 2800 करोड़ रुपये की लागत से कुल 2400 किमी ग्रामीण सड़कों का सुधार किया जाएगा। उन्होंने बताया इसके तहत ज़िला कांगड़ा के दो मंडलों में 647 करोड़ की लागत से 500 किमी ग्रामीण सड़कों का सुधारीकरण किया जाएगा। लोक निर्माण मंत्री ने यह जानकारी आज धर्मशाला के होटल धौलाधार में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दी। अपने विभागों से संबंधित योजनाओं को सबके समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के कांगड़ा जोन के अंतर्गत इस साल कुल 315 करोड़ के कार्य किए जाएंगे, जिसमें से 178 करोड़ के कार्य शुरू कर दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि कांगड़ा मंडल में 120 किमी वाहन योग्य सड़क, 173 किमी नालियां और पुल्लियां, 166 किमी टारिंग और 6 ब्रिज इसके तहत बनाये जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति सुधारने पर फोकस कर रही है। वे जल्द ही ज़िला कांगड़ा में ग्रामीण क्षेत्रों का व्यापक दौरा करेंगे । इस दौरान वे गांव -गांव जाकर लोक निर्माण विभाग संबंधित कार्यों का निरीक्षण करेंगे और जनसमस्याओं का निराकरण करेंगे। उन्होंने कहा इस दौरान पूरा प्रशासनिक अमला और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उनके साथ रहेंगे। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में ज़िला कांगड़ा में उनके विभागों से संबंधित विकास कार्यों को गति दी जायेगी। इसके लिए विभाग के साथ बैठकर पूर्ण योजना बनायी जा रही है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार का पूरा सहयोग लेगी,ताकि विकास योजनाएं समय पर पूरी की जा सकें। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एनएचएआई के पठानकोट-मंडी, शिमला-मटौर, कीरतपुर-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग निर्माण के तीन बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवेज़ के निर्माण में प्रदेश सरकार कि ओर से पूरा सहयोग किया जायेगा।
भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि केंद्र में एक बार फिर मोदी सरकार का बनना तय है आज भारतीय जनता पार्टी पूरे हिमाचल प्रदेश में और देश में मोदी जी की सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है, इसको लेकर शिमला में प्रदेश कार्यसमिति की एक विशेष बैठक हुई थी जिसमें यह तय हुआ था कि पूरे प्रदेश भर में सभी जिलों में इस कार्यक्रम को लेकर बैठकों का आयोजन किया जाएगा और इसके उपरांत मंडलों की बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता लोकसभा अनुसार प्रवास करेंगे और उन में महत्वपूर्ण नागरिकों के साथ मुलाकात करेंगे। ऐसे हिमाचल प्रदेश में 4 संसदीय क्षेत्र है जिसके अंतर्गत प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में भाजपा नेता 250 लोगों से भेंट करेंगे जो कि पूरे हिमाचल प्रदेश में कुल 1000 होंगे। यह वरिष्ठ नागरिक ऐसे होंगे जो सामाजिक क्षेत्र के आइकॉन होंगे, जिन्होंने किसी भी प्रकार से समाज के उत्थानकार्य या अन्य किसी भूमिका में अग्रिम भूमिका निभाई है ऐसे प्रत्येक मंडल में हम 60 से 65 लोगों से मिलने का प्रयास करेंगे। खन्ना ने बल देते हुए कहा देश के लिए एक बार फिर मोदी का प्रधानमंत्री बनना जरूरी है, आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व की सबसे तेजी से बढ़ने वाली पांचवी अर्थव्यवस्था बन गया है और आने वाले समय में हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा संपर्क से समर्थन अभियान चलाएगी जिसके अंतर्गत हम हिमाचल प्रदेश के सभी लोगों से मिलेंगे और केंद्र सरकार में नरेंद्र मोदी एक बार फिर प्रधानमंत्री बने उसका समर्थन मांगेंगे, भाजपा पूरे प्रदेश भर में महा जनसंपर्क अभियान का आयोजन करेगी जो कि 20 जून से 30 जून तक चलेगा इसके अंतर्गत हम पूरे प्रदेश भर में घर-घर जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने का प्रयास करेंगे उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच जाकर एक बार फिर जनसमर्थन मांगेगी और जिस प्रकार आपको याद ही है कि कोविड संकट काल के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जिस प्रकार से प्रत्येक व्यक्ति को कोरोना की वैक्सीन मुफ्त में उपलब्ध करवाई थी जो को एक बहुत बड़ी उपलब्धि रही और ना ही देश के नागरिकों को प्रधानमंत्री ने सुरक्षा कवच प्रदान किया अपितु विदेशों में भी मुफ्त वैक्सीन प्रदान कर भारतवर्ष की साख पूरे विश्व में बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के जो भी विचार जनसंघ के समय थे उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य नरेंद्र मोदी की सरकार ने किया है और जो हमारे कार्य रह गए हैं उन्हें आने वाले समय में हम पूरे करेंगे। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है जिन्होंने देश से धारा 370 हटाने का कार्य किया है इससे पहले कई सरकारी आई पर उन्होंने इसको हटाने में कभी भी उचित प्रयास नहीं किया।
कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के पठियार में राजपूत कल्याण सभा तथा राजपूत कल्याण ट्रस्ट द्वारा संयुक्त तौर पर आयोजित महाराणा प्रताप जयंती समारोह में लोक निर्माण एवं युवा सेवाएं व खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने महाराणा प्रताप के विराट व्यक्तित्व को सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत बताते हुए उनके आदर्शों व सिद्धांतों को रोजमर्रा के जीवन में अपनाने व अमल में लाने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हमारे सिद्धांत ही हमारी ताकत होते हैं, जिनपर मुश्किल समय में अडिग रहना जरूरी है। इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है कि आज के समय में महाराणा प्रताप के आदर्शों को जीवन में किस तरह अमल में लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमारा क्षेत्रवाद व जातिवाद में विश्वास नहीं है, सबका विकास सर्वत्र विकास ही हमारा ध्येय है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीसरे चरण में प्रदेश के लिए 2400 करोड़ की स्वीकृति लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि सरकार सड़क नेटवर्क को मजबूत करने पर जोर दे रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीसरे चरण में प्रदेश को केंद्र से 2400 करोड़ की स्वीकृति मिली है। यह धनराशि प्रदेश के दुर्गम व दूरदराज क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत तथा रखरखाव पर खर्ची जाएगी। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से प्रदेश के भौगोलिक रूप से कठिन तथा दूरदराज इलाकों में ढांचागत विकास को बल दिया जाएगा। वहां की जरूरत के हिसाब से सड़क नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण तथा भवनों के निर्माण पर जोर दिया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पूरे प्रदेश का एक समान नजर से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिले को आईटी हब, और पर्यटन राजधानी के विकसित करने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए निर्णायक कार्य किया जा रहा है। उन्होंने इसमें सभी से सहयोग का आह्वान किया। विक्रमादित्य सिंह ने महाराणा प्रताप इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में खेल अधोसंरचना विकास तथा अन्य कार्यों के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने महाराणा प्रताप जी की 484वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जीवन को सभी के लिए शाश्वत प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का पराक्रम, साहस और स्वाभिमान हर भारतवासी की पूंजी है। उनके संघर्ष में उन्हें विविध वर्गों का साथ मिला, जो उनमें लोगों के अगाध विश्वास का प्रकटीकरण है। विधानसभा अध्यक्ष ने यह विचार सोमवार को कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के पठियार में राजपूत कल्याण सभा तथा राजपूत कल्याण ट्रस्ट द्वारा संयुक्त तौर पर आयोजित महाराणा प्रताप जयंती समारोह के अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने पठियार में महाराणा प्रताप इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के प्रांगण में आयोजित इस समारोह में सभी को महाराणा प्रताप जयंती की बधाई देते हुए देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाली हर महान विभूति को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश को जब भी जरूरत पड़ी यहां शूरवीरों ने हंसते हुए स्वयं को बलिदान किया है। उन्होंने वजीर राम सिंह पठानिया के महान बलिदान को भी स्मरण किया और कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से भी 10 साल पहले नूरपुर के वजीर राम सिंह पठानिया ने अंग्रेजों से लोहा लिया था। ऐसे तमाम महान बलिदानियों के त्याग के बूते ही आज हमारा देश एक है। कुलदीप सिंह पठानिया ने राजपूत कल्याण सभा की विविध विकास एवं कल्याण कार्य के लिए एक करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की मांग पर सरकार की ओर से समुचित धनराशि मुहैया कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कांगड़ा हवाई अड्डे का नामकरण महाराजा संसार चंद कटोच के नाम पर करने की राजपूत सभा की मांग का भी समर्थन दिया। उन्होंने सभा के जनकल्याण कार्यों की सराहना करते हुए आगे भी हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। इस मौके शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने राजपूत कल्याण ट्रस्ट व सभा के कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने अपनी विधायक निधि से महाराणा प्रताप इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के मैदान के सुधार कार्य के लिए 5 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सीएम प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के दृष्टिकोण से काम कर रहे हैं, इसमें सभी का साथ व सहयोग अपेक्षित है।
हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में पूरे देश में एक अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के त्रिगर्त सभागार में आयोजित हिमपन 2.0 कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने यह शब्द कहे। उन्होंने कहा कि आज प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक हिमाचल प्रदेश में सभी महत्वपूर्ण संस्थान कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दो राज्य विश्वविद्यालय के अलावा केंद्रीय विश्वविद्यालय, आईआईटी, आईआईएम, आईआईआईटी, एनआईटी, एम्स, एनआईएफटी जैसे अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों में आज विद्यार्थी हिमाचल प्रदेश में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में कार्य करने वाले संस्थानों और शिक्षार्थियों के लिए हिमाचल का शांत वातावरण सबसे उपयुक्त है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बनी सरकार प्रदेश में शिक्षा और नवाचार के लिए ओर बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्व है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बहुत से निजी संस्थान भी हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा बहुत बहुमूल्य विषय है, इससे जुड़े व्यवसाय में नैतिकता और पारदर्शिता को अपनाना बहुत जरूरी है। जन कल्याण और देश कल्याण के उद्देश्य से ही शिक्षण संस्थानों को कार्य करना चाहिए। कृषि कुमार प्रो. चन्द्र कुमार ने इस अवसर पर सामाजिक कार्याें और शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया। सीटी यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में समाज कार्य और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विद्वत जनों ने सहभागिता कर भारत द्वारा जी20 अध्यक्षता, राष्ट्र शिक्षा नीति, नवाचार और कौशल विकास जैसे विषयों पर चर्चा की। इस दौरान धर्मशाला महाविद्यालय से प्रो. नरेश शर्मा और सी.टी विश्वविद्यालय के डॉ. महेंद्र सिंह अशावत ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में धर्मशाला नगर निगम के महापौर ओंकार नेहरिया, एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रमोत्रा, सीटी ग्रुप के चेयरमैन सरदार चरणजीत सिंह चन्नी, उप चेयरमैन हरप्रीत सिंह सहित प्रदेश भर से आए शिक्षाविद् और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला इंदौरा में तीन दिवसीय भारत स्काउट एंड गाइड प्रथम एवं द्वितीय सोपान ट्रेंनिंग एंड टेस्टिंग कैंप के कैंप फायर प्रोग्राम में विधायक मलेन्द्र राजन मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को इस कैंप के माध्यम से मिलजुल कर कार्य करने और आपदाओं से निपटने की दक्षताओं को हासिल करने के लिए बेहद उपयोगी बताया तथा उन्हें समाज में फैली कुरीतियों के विरुद्ध बचपन से ही प्रेरणादायक कार्य करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य मोहन शर्मा ने बताया कि इस कैंप में कांगड़ा जिला के 5 सबडिविजंस के 68 स्कूलों से 665 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें 12 से 17 वर्ष के विद्यार्थीयों ने टुकड़ियों में बंद कर अपने ट्रेनर्स के माध्यम से सामान्यता एवं आपदाओं के समय जीवन रक्षा से संबंधित क्रियाकलापों को सिखा इंदौरा क्षेत्र में इस तरह के विशाल आयोजन में सहयोग के लिए उन्होंने विधायक मलेन्द्र राजन, एसडीएम इन्दौरा सुरेंद्र ठाकुर, विभिन्न विभागों के अधिकारियों लोकल लीडरशिप ,भारत स्काउट एंड गाइड जिला कांगड़ा के अधिकारी गण, अध्यापक साथियों और अपने समस्त स्कूल स्टाफ का हार्दिक धन्यवाद किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया, कुलदीप शर्मा,भारत स्काउट एंड गाइड जिला कांगड़ा एसोसिएशन के डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर गाइड सेल नीरजा मिन्हास, राजेश कुमार, तरसेम सिंह, नीलम देवी, विजय रंधावा, सतीश कुमार, उमा कुमारी, प्रधानाचार्य अजय सैनी ,प्रवक्ता कुलदीप कुमार ,अमित कुमार, संजीव, निर्मल सिंह, सोहन लाल, रघुवीर सिंह, देवांशी, मंजू बाला, रेणुका आदि उपस्थित रहे रहे।
संतान सुख प्राप्ति के लिए श्रद्धा,विश्वास तथा आस से सैकड़ों दंपतियों ने बाबा भौडी सिद्ध गुफा में पुजारी से आशीर्वाद रूपी फल ग्रहण किया। बाबा भौडी सिद्ध विकास सभा सभा द्वारा श्रद्धालुओं के लिए जलपान तथा खाने का प्रबंध किया गया था। जयसिंहपुर विधानसभा की सुआं पंचायत में स्थित सिद्धेश्वर श्री बाबा भौडी सिद्ध "सिद्ध -पीठ" जोकि कलयुग में बाबा बालकनाथ जी के सात जन्मों में से शुरू के पांच जन्मों की तपोस्थली माना जाता है तथा यह गुफा मंदिर लगभग 2300 वर्ष पुराना है। प्रतिवर्ष बड़े महीने (ज्येष्ठ मास) के पहले रविवार को सिद्धेश्वर श्री बाबा भौडी सिद्ध गुफा मंदिर में पुजारी द्वारा श्री बाबा भौडी सिद्ध आशीर्वाद रूपी फल ऐसे दंपतियों (पति-पत्नी) को वितरित किया जाता है,जो बिना किसी ठोस कारण संतान सुख- प्राप्ति से वंचित होते हैं तथा निश्चय ही उन दंपतियों को संतान सुख की प्राप्ति होती है। यह प्रमाणित सत्य है। इस वर्ष जो वंचित रहे,वह निराश ना हों।अगले वर्ष यह दिन रविवार ,19 मई 2024 को है। वैसे तो हर रोज असंख्य श्रद्धालु भौडी सिद्ध में मन्नत मांगने तथा पूर्ण होने पर पहुंचते हैं, परंतु ज्येष्ठ महीने के प्रथम रविवार का दंपतियों के लिए विशेष महत्व है।
महाराणा प्रताप की 484वीं जयंती पर नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के पठियार में राजपूत कल्याण सभा एवं राजपूत कल्याण ट्रस्ट द्वारा सयुंक्त तौर पर आयोजित समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में लोक निर्माण, युवा सेवाएं तथा खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह विशिष्ट अतिथि और शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया विशेष अतिथि रहे।
थाना क्षेत्र रक्कड़ के अंतर्गत नादौन से लगभग 10 किलोमीटर दूर कोल्हापुर में रविवार रात्रि एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक प्रवासी व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति नेपाली मूल का माना जा रहा है, लेकिन अभी तक इसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है, जिसके चलते पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा है व शिनाख्त के लिए 72 घंटे के लिए देहरा अस्पताल में रखा गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है तथा आगामी कार्यवाही पर अमल किया जा रहा है। कोल्हापुर के प्रधान विपिन कुमार ने बताया कि उन्हें लगभग सुबह 4:30 बजे फोन पर सूचना मिली कि सड़क किनारे कोई व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। उन्होंने जाकर देखा तो व्यक्ति सड़क के किनारे पर पड़ा हुआ था। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस थाना रक्कड़ से थाना प्रभारी गुरदेव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन जारी कर दी। थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है व शव को पोस्टमार्टम हेतु देहरा ले जाया जा रहा है वहां पोस्टमार्टम के बाद शव की शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक रखा जाएगा। शिनाख्त के तौर पर उन्होंने बताया कि लगभग दर्मयानी लंबाई का यह व्यक्ति लगभग 50 साल का प्रतीत हो रहा है। इसने हरे रंग की टी शर्ट व काले रंग का लोअर पहना हुआ है यदि कोई परिचित हो तो वह आकर थाना रक्कड़ में संपर्क कर सकते हैं।
चंडीगढ़ में आयोजित एमराल्ड ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में खुडिंया के 11 बच्चों ने मेडल जीतकर पूरे हिमाचल प्रदेश और खुडिंया क्षेत्र का नाम रोशन किया,जिसमें ल़डकियों के वर्ग में बृंदा गोल्ड, भैरवी गोल्ड,मनिका गोल्ड,अशिॅता कांस्य, ऋषिका धीमान सिल्वर मेडल औऱ और लड़कों के वर्ग में अतीक गोल्ड, अरमान सिल्वर, ऋषभ सिल्वर, अनिकेत कांस्य, दिव्याशं सिल्वर और शिवांश ने गोल्ड मेडल हासिल किया। बोर्ड ब्रेकिंग ( जिसमेंलकड़ीकेबोर्ड को पंच या किक से तोड़ना होता है) में ऋषिका ने कांस्य पदक जीता l इस बार सब फ्रेशर्स बच्चे खेलने गए थे, जिसमें सबसे कम उम्र 4 साल के बच्चे ने पार्टीसिपेट किया l सुनील कुमार और मीना कुमारी का कहना है कि हमारे बच्चे बहुत मेहनत करते हैं परंतु हमारे क्षेत्र में पूरी सुविधा ना होने की वजह से वंचित रह जाते l हम चाहते कोई संस्था आगे आए, जो इन बच्चों की सहायता करे, ताकि बच्चे नेशनल तक पहुंच सके।
वन्य प्राणी विभाग की जमीन पर मोटर पैराग्लाइडिंग करवाने को लेकर सवालिया निशान लग गए हैं तथा पर्यटन विभाग की ओर से अटल बिहारी वाजपेयी संस्थान मनाली द्वारा 12 मई को करवाए गए मोटर पैराग्लाइडिंग ट्रायल करवाने पर सवालिया निशान लग गए हैं। मौके पर आई टेक्निकल टीम ने इस इको सेंसटिव जोन में प्रशासन के आदेशानुसार ट्रायल करवाया और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मोटर पैराग्लाइडिंग द्वारा हवा में उड़ने का लुत्फ भी उठाया गया। एक तरफ तो साफ निर्देश हैं कि वन्य प्राणी विभाग पर ऐसी कोई गतिविधि नहीं होनी चाहिए जिससे प्रवासी पक्षियों को कोई नुकसान हो लेकिन ऐसे में मोटर पैराग्लाइडिंग कैसे हुई है क्योंकि इसकी मोटर में डीजल इंजन लगा हुआ था तथा इससे ध्वनि भी निकल रही थी जोकि नियमों के अनुसार गलत है। बुद्धिजीवियों ने कहा कि पौंग झील का क्षेत्र गुलेर, नगरोटा सूरियां, फतेहपुर, देहरा, जवाली इत्याद में फैला हुआ है तो इन सभी जगहों को छोड़कर आखिरकार विभाग ने ख़ैरियां के कोहली नामक स्थान को ही क्यों चिन्हित किया। इसमें कहीं न कहीं राजनीतिक झलक दिखाई दे रही है जबकि इको सेंसटिव जोन को छोड़कर कर जवाली, नगरोटा सूरियां या फतेहपुर में भी पर्यटन के साधन विकसित किए जा सकते हैं। वहीं पर्यावरण प्रेमी मिलखी राम शर्मा ने बताया कि कुछ पक्षी यहां पूरा साल रहते हैं जोकि पौंग झील के आसपास के क्षेत्रों में विचरण करते हैं लेकिन पौंग झील के समीप की जा रही अवैध गतिविधियों से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ेगा । वन्यजीव परिक्षेत्र में ध्वनि ,वायु, जल प्रदूषण से संबंधित कोई भी गतिविधि नहीं करवाई जा सकती है। क्या कहा जिला पर्यटन अधिकारी ने इस बारे में जिला पर्यटन अधिकारी विनय धीमान ने बताया कि एक निजी रिसोर्ट की ओर से प्रस्ताव आया था जिसके तहत एक टेक्निकल टीम ने मौका किया है। उन्होंने कहा कि ये भूमि वाइल्ड लाइफ की बताई जा रही है जिस वजह से दिक्कतें आ रही हैं। फिलहाल टेक्निकल टीम जल्द ही रिपोर्ट पेश करेगी तथा साथ ही वाइल्ड लाइफ विभाग से भी इस बारे बात की जाएगी। डीएफओ रेजीनोड रोयस्टोन के बोल..... इस बारे में वन्य प्राणी विभाग हमीरपुर के डीएफओ रेजीनोड रॉयस्टोन ने कहा कि पर्यटन विभाग के द्वारा इको सेंसटिव रहित भूमि का निरीक्षण टेक्निकल टीम के द्वारा किया जा रहा है अगर संभावना बनती भी है तो केवल वाटर गेम्स ही करवाई जा सकती हैं। मोटर पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों नहीं करवाई जा सकती। अभी टेक्निकल टीम की रिपोर्ट आनी है तथा किसी को किसी प्रकार की गतिविधि करने की परमिशन नहीं है। अगर कोई ऐसी गतिविधि करता हुआ पाया जाता है तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर उनके क्षेत्र जसवां-परागपुर के साथ भेदभाव का आरोप लगाया है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि उनके क्षेत्र में पूर्व में स्थापित किए गए कार्यालयों को शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है जबकि यह क्षेत्र के अनुसार व्यवहारिक नहीं है। उनका कहना है कि यदि सरकार अन्य क्षेत्रों में कार्यालय खोलना चाहती है तो वहां दूसरे कार्यालय खोले जा सकते हैं, लेकिन उनके क्षेत्र से कार्यालयों को उठाकर दूसरी जगह स्थापित करना क्षेत्र के साथ भेदभाव को दर्शाता है । उन्होंने बीते दिनों शिमला में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश सरकार जिस प्रकार एचआरटीसी में इलेक्ट्रिक बसों को चलाने की बात कर रही है वह भी अपने आप में व्यवहारिक निर्णय नजर नहीं आ रहा है। उनका कहना है कि इलेक्ट्रिक बसों के बड़े बेड़े को चलाने के लिए पहले इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित करने की जरूरत है जो कि अभी प्रदेश में उपलब्ध नहीं है ऐसे में सरकार का मुख्य ध्यान इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट की ओर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी प्रदेश के लोगों की सुविधा के लिए है ऐसे मे कई रूटो पर सवारियां कम होने पर भी चलाई जाती है । घाटे वाले रूटों को बंद करना भी उचित नहीं।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी किया जमा दो (10+2) के परीक्षा परिणाम में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खैरा जिला कांगड़ा का परीक्षा परिणाम अति सराहनीय रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम 98.44% रहा। विज्ञान ब बणिज्य संकाय का परीक्षा परिणाम शतप्रतिशत रहा और कला संकाय का परिणाम 96% रहा | विज्ञान संकाय में 9 बच्चों ने 90% से ऊपर अंक हासिल किए, जबकि कॉमर्स में 2 विद्यार्थियों ने 90% से ऊपर अंक हासिल किए। विज्ञान संकाय में अर्चित ने 96% अंक हासिल करके प्रथम स्थान हासिल किया, वाणिज्य संकाय में रिया भारती ने 93% अंक हासिल कर प्रथम स्थान हासिल किया जबकि कला संकाय में शगुन ने 89% अंक हासिल करके प्रथम स्थान हासिल करने के साथ ही विद्यालय का नाम रोशन किया । विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार शर्मा ने इस सराहनीय परिणाम के लिए सभी प्रवक्ता साथियों का मनोबल बढ़ाते हुए, उनकी भूरी भूरी प्रशंसा की तथा आह्वान किया कि भविष्य में भी इसी तरह कड़ी मेहनत और लगन के द्वारा विद्यालय को सफलता के शिखर तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी समस्त विद्यालय परिवार की तरफ से बधाई प्रेषित करी, था बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
दी ग्रीन वैली गुडस कैरियर सोसाइटी संसारपुर टैरस में चुनाव के बाद नवचयनित कमेटी के साथ पूर्व कामगार बोर्ड के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह मनकोटिया ने मीटिंग की। इस दौरान कमेटी सदस्यों ने सुरेन्द्र सिंह मनकोटिया को सम्मानित भी किया। इस दौरान उपस्थित कमेटी सदस्यों व उपस्थित ट्रक ऑपरेटर्स ने औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरस में उद्योगों व ट्रांसपोर्ट सोसाइटी के मध्य हो रहे काम के बारे में चर्चा की। उपस्थित लोगों ने संसारपुर टैरस में उद्योग बढाने पर सरकार से अपील की व सुरेन्द्र सिंह मनकोटिया ने उनकी मांग को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर शमशेर चंद, सजेश ठाकुर, राकेश कुमार, सुनील कुमार व बालकृष्ण शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदौरा में जिला स्तरीय तीन दिवसीय स्काउट एंड गाइड कैंप का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि इस कैंप में जिला के पांच सब डिवीजन के 68 स्कूलों से 665 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। रात्रि में होने वाले "कैंप फायर प्रोग्राम" के मुख्य अतिथि इंदौरा एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर होंगे तथा कल के मुख्य समारोह में विधायक मलेन्द्र राजन बतौर मुख्य अतिथि पधारेंगे वविद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। स्कूल प्रधानाचार्य मोहन शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों की शारीरिक एवं मानसिक क्षमताओं के विकास के लिए स्काउट एवं गाइड कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। इस कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों को मिलजुल कर कार्य करने तथा राष्ट्र सेवा की भावना के लिए प्रेरित किया जा रहा है। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स जिला काँगड़ा जिला मुख्य आयुक्त एवं डिप्टी डायरेक्टर (उच्च शिक्षा) रेखा कपूर ने अपना संदेश जारी करते हुए कहा है की सभी नन्हे स्काउट्स और गाइड्स को नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत अपने स्तर पर कार्य करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस अवसर पर इंदौरा ग्राम पंचायत प्रधान भोपाल कटोच, एसएमसी प्रधान देवेंद्र कुमार, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट्स) तरसेम, जिला संगठन आयुक्त (गाइड्स) नीशा नेहरिया, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट्स) राजेश गुलेरिया, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड्स) नीलम, के साथ–साथ राज्य सह संगठन आयुक्त नीरज बाला, उप जिला संगठन आयुक्त (स्काउट्स) विजय रंधावा, जिला सह सचिव रेणुका गुप्ता, सीनियर ट्रेनर सतीश कुमार आदि ने भाग लिया।
अखिल भारतीय महासभा इकाई हिमाचल प्रदेश राज्य महासचिव सीता राम भाटिया की अध्यक्षता में इकाई ज्वालामुखी की कमेटी का गठन किया गया। ज्वालामुखी के सभी कार्यकर्ताओं ने सीता राम भाटिया को ही इकाई का अध्यक्ष बनाया। वहीं उपाध्यक्ष सुशील कुमार एवं बलवंत सिंह, सचिव जगदीश राम, उप सचिव घसीटू राम, कोषाध्यक्ष बुदी सिंह, उप कोषाध्यक्ष गुरवचन सिंह, कानूनी सलाहकार बाबू राम पंचायत सलाहकार बीरवल, संगठन कार्यवाहक गुरचरन सिंह, युवा अध्यक्ष गुरबचन सिंह, उप सलाहकार राज कुमार सिहोत्रा, स्टेट सचिव कर्मचंद, गुरदेव सिंह आदि कार्यकर्ताओं को इकाई ज्वालामुखी की जिम्मेदारी सौंपी गई। कमेटी बनाने का उद्देश्य एससी-एसटी ओबीसी समुदाय को संगठित करना है। राज्य सचिव सीता राम भाटिया ने बताया कि हमारा उद्देश्य किसी धर्म, समुदाय की भावना को ठेस पहुंचाने का नहीं है। हम समाज को एक नजर से देखते हैं। संगठन का मेन उद्देश्य संविधान निर्माता डॉक्टर भीम राव अंबेडकर की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का रहेगा साथ ही संगठन में हर धर्म हर समुदाय के व्यक्ति जुड़ सकते हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की घोषणा की अनुरूप कांगड़ा जिला को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द मूर्त रूप देने के मकसद से मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना खुद कांगड़ा जिले के दौरा पर हैं। उन्होंने शनिवार को धर्मशाला में जिला प्रशासन तथा अन्य विभाग प्रमुखों के साथ बैठक कर प्रत्येक परियोजना का सिलसिलेवार ब्योरा तथा उनकी वस्तु स्थिति और प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल समेत विभिन्न विभागों के आला अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार कांगड़ा जिले के चहुंमुखी विकास पर जोर दे रही है। जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए निर्णायक कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट होने के चलते इसे लेकर निर्धारित समय पर गंभीर प्रयास अपेक्षित हैं। साथ ही जिले में जनकल्याण की विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन पर ध्यान केंद्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की प्राथमिकता है कि सरकार के सभी फ्लैगशिप कार्यक्रमों का जिले में समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कांगड़ा जिले का विकास एक मिसाल बने। इन विकास परियोजनाओं-कार्यों की समीक्षा प्रबोध सक्सेना ने बैठक में प्रमुख रूप से केंद्रीय विश्वविद्यालय की निर्माण गतिविधियों, कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार कार्य की प्रगति, धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कन्वेशन सेंटर की प्रस्तावित योजना, बनखंडी में बनने वाले जूलॉजिकल पार्क, नगरोटा बगवां में प्रस्तावित ओल्डेज वेलनेस रिजॉर्ट, नरघोटा में प्रस्तावित टूरिज्म विलेज, जिले में आइस स्केटिंग तथा रोलर स्केटिंग रिंक के प्रस्तावित निर्माण, परागपुर में बनने वाले गोल्फ कोर्स मैदान, जिले मे बन रहे तथा प्रस्तावित आईटी पार्क, गग्गल में प्रस्तावित एयरो सिटी, धर्मशाला में धौलाधार बायोडायवर्सिटी पार्क, हेलीपोर्ट निर्माण तथा पौंग में प्रस्तावित पर्यटन व साहसिक खेल गतिविधियों समेत अन्य विकास योजनाओं की वस्तु स्थिति और प्रगति की समीक्षा की। 130 करोड़ का अंतरराष्ट्रीय स्तर का कन्वेंशन सेंटर, जिले के साथ साथ प्रदेश के लिए होगा लाभकारी मुख्य सचिव ने कहा कि धर्मशाला के सिद्धबाड़ी में प्रस्तावित 130 करोड़ रुपये का अंतरराष्ट्रीय स्तर का कन्वेंशन सेंटर कांगड़ा जिले के साथ साथ संपूर्ण प्रदेश के लिए लाभकारी होगा। इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि इसका निर्माण भविष्योन्मुखी दृष्टि से हो। कॉंफ्रेेंस सिटी के तौर पर उभर रहे धर्मशाला में इस प्रकार का कन्वेंशन सेंटर नितांत जरूरी है, जहां राज्य के साथ साथ राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण सम्मेलनों, बैठकों तथा अन्य आयोजनों के लिए उपयुक्त सेमिनार हॉल, बैठक कक्ष तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों के साथ के साथ साथ वाहन पार्किंग की बड़ी सुविधा हो। बता दें, कन्वेंशन सेंटर के लिए सिद्धबाड़ी में 4 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। निर्माण को लेकर एशियन विकास बैंक (एडीबी) के प्रतिनिधि साईट निरीक्षण भी कर चुके हैं। मुख्य सचिव ने कन्वेंशन सेंटर के लेआउट प्लान को अंतिम रूप देने से पहले वर्तमान के साथ भविष्य की जरूरतों से जुड़े पहलुओं पर गहनता से गौर करने के निर्देश दिए। पर्यटन विकास-जनकल्याण गतिविधियों के विविध आयाम प्रबोध सक्सेना ने धर्मशाला के समीप नरघोटा में करीब 25 हेक्टेयर भूमि पर प्रस्तावित टूरिज्म विलेज के विकास को लेकर पर्यटन विभाग की परियोजना का ब्योरा लिया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सकोह में प्रस्तावित आइस स्केटिंग तथा रोलर स्केटिंग रिंक के निर्माण की दिशा में किए प्रयासों की जानकारी भी ली। सकोह में करीब 2 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है, जहां एडीबी के सहयोग से निर्माण कार्य किया जाना है। उन्होंने परागपुर में गोल्फ कोर्स मैदान के निर्माण योजना की प्रगति की जानकारी ली। इसके लिए 12.50 हेक्टेयर सरकारी भूमि तथा साथ लगती करीब 16 हेक्टेयर निजी भूमि चिन्हित की गई है। नालदेहरा गोल्फ कोर्स मैदान से संबंधित विशेषज्ञों की समिति ने साईट निरीक्षण कर इसे निर्माण के लिए उपयुक्त बताया है। मुख्य सचिव ने नगरोटा बगवां में प्रस्तावित ओल्डेज वेलनेस रिजॉर्ट परियोजना का ब्योरा भी लिया। इसके लिए 6 हेक्टेयर भूमि का चयन किया गया है तथा भूमि हस्तांतरण व विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने गग्गल में प्रस्तावित एयरो सिटी परियोजना की जानकारी भी ली। जिला प्रशासन ने परियोजना के लिए 57.5 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की है। भारतीय एयरपोर्ट प्राधिकरण से अनुमति मिलने पर इसे लेकर आगे कार्य किया जाएगा।
एवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल पाहड़ा की छात्रा राशि ने बारहवीं कक्षा में प्रदेश भर में पांचवा स्थान हासिल कर स्कूल व जिला कांगड़ा के साथ विधानसभा जयसिंहपुर और अपने गांव लाहट का नाम भी रोशन किया है। राशि ने बारहवीं कक्षा में साइंस विषय 500 में से 488 अंक हासिल किए हैं। पूरे प्रदेश के साइंस विषय में टॉप टेन में पांचवां स्थान हासिल किया। रिजल्ट आउट होते ही राशि के घर में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। वहीं स्कूल के प्रधानाचार्य अंकुश सूद ने राशि को मिठाई खिलाकर उसे बधाई दी और उज्जवल भविष्य की कामना की।
साइंस स्ट्रीम में ओजस्विनी उपमन्यु ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। 500 में से 493 अंक (98.6 प्रतिशत) हासिल किए हैं। ओजस्विनी उपमन्यु जिला ऊना के घनारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र हैं। कॉमर्स स्ट्रीम में सिरमौर जिले के सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराहन की छात्रा वृंदा ठाकुर ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। वृंदा ने 500 में से 492 अंक (98.4 प्रतिशत) हासिल किए हैं। आर्ट्स स्ट्रीम में प्रदेशभर में पहले स्थान पर चार विद्यार्थी रहे हैं। चारों ने 500 में से 487 अंक (97.4 प्रतिशत) हासिल किए हैं। डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऊना की छात्रा तरनिजा शर्मा, रूट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल करसोग की छात्रा दिव्य ज्योति, सीनियर सेकेंडरी स्कूल पोर्टमोर शिमला की छात्रा नूपुर कैथ और सिरमौर जिले के सीनियर सेकेंडरी स्कूल जरवा जुनेली के छात्र ज्येश प्रदेश भर में पहले स्थान पर रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) 12वीं कक्षा का वार्षिक (12th Class Result) परिणाम इस बार 79.4 फीसदी रहा है। ऊना की सीसे स्कूल घनारी की ओजस्वनी उपमन्यु पुत्री राम कुमार ऑलओवर परीक्षा में 98.6 अंक हासिल कर पहले स्थान पर रही। सिरमौर की वृंदा ठाकुर पुत्री अरुण कुमार ने 98.6 फीसदी अंक हासिल कर दूसरे नंबर पर रही वहीं सीसे स्कूल चूरड़ू की कनूप्रिया पुत्री संजय कुमार ने 98.2 फीसदी अंक लेकर तीसरा स्थान हासिल किया।
**ओजस्विनी उपमन्यु ने साइंस संकाय में 500 में से 493 अंक (98.6 प्रतिशत) हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जिला ऊना के घनारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र हैं। **कॉमर्स संकाय में सिरमौर जिले के सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराहन की छात्रा वृंदा ठाकुर ने 500 में से 492 अंक (98.4 प्रतिशत) हासिल प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। **आर्ट्स संकाय में प्रदेशभर में चार विद्यार्थी ने 500 में से 487 अंक (97.4 प्रतिशत) हासिल कर पहला स्थान हासिल किया है। जिसमे डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऊना की छात्रा तरनिजा शर्मा, रूट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल करसोग की छात्रा दिव्य ज्योति, सीनियर सेकेंडरी स्कूल पोर्टमोर शिमला की छात्रा नूपुर कैथ और सिरमौर जिले के सीनियर सेकेंडरी स्कूल जरवा जुनेली के छात्र ज्येश प्रदेश भर में पहले स्थान पर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा की परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। परिणाम 79.4 प्रतिशत रहा है। 105369 विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा दी थी जिसमे से 83418 विद्यार्थी परीक्षा में पास हुए हैं।13335 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई है। 8139 विद्यार्थी परीक्षा में फेल हुए हैं। वर्ष 2022 में 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 93.90 प्रतिशत रहा था। सचिव डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने जानकारी दी की विद्यार्थी शिक्षा बोर्ड की बेवसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं।
लोक निर्माण विभाग फतेहपुर उपमंडल के तहत रियली मंड हालेड रास्ते की इतनी दयनीय स्थिति हो गई है कि जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं, जो कि किसी हादसे को न्योता दे रहे हैं। लेकिन लोक निर्माण विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। बडूखर से रियालि मंड हालेड मार्ग पर क्रेशर मटेरियल लेकर भारी वाहन गुजरते हैं, जिनकी वजह से भी रोड को काफी नुकसान हुआ है। कई जगहों पर इन भारी वाहनों की वजह से सड़क धंस गई है। वहीं, विभाग द्वारा कुछ जगह पर सड़क में पड़े हुए गड्ढों में मिट्टी डालकर लीपापोती की जा रही है। ऐसे में दो पहिया वाहनों का इस रास्ते पर चलना बड़ा ही मुश्किल हो गया है। सड़क पर तारकोल की जगह मिट्टी होने के कारण इमरजेंसी में वाहन लेकर निकलना मतलब बहुत बड़े हादसे को न्योता देना है। इस मामले में जितेंद्र पठानिया बीडीसी नंगल ने कहा कि रास्ते की स्थिति बहुत ही खराब है। सड़क काफी समय से बदहाली का शिकार है। इससे पहले कि इस सड़क पर कोई हादसा हो, इसकी मरम्मत अति आवश्यक है। विभाग को इसकी ओर ध्यान देना चाहिए। मिट्टी की जगह तारकोल डाली जानी चाहिए। वहीं, रमन कुमार उप प्रधान ग्राम पंचायत टटवाली ने कहा कि बडूखर से फतेहपुर सड़क का कुछ हिस्सा इतना खराब है कि वाहन लेकर निकलना तो दूर पैदल चलना भी बहुत मुश्किल है। विभाग को इसकी ओर ध्यान देना चाहिए।
डाडासीबा वन परिक्षेत्र अधिकारी नरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को मीडिया के माध्यम से किसानों से अपील की है कि वे जंगलों के साथ लगती अपनी घासनियां जलाते समय पूरी सावधानी बरतें। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि वे जंगली क्षेत्र से गुजरते समय माचिस की तीली को जलते हुए न फेंके। वन में आग की घटना कई बार अनजाने में घटती है तो कई बार जानबूझकर कुछ लोग इसे अंजाम दे देते हैं। आग खुद तो लगती नहीं है जंगलों में आग की घटनाओं पर नजर रखने के लिए विभाग ने हर बीट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं भी आग की घटना के बारे में पता चलता है तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पंचायत पुलिस, वन विभाग या अग्निशमन विभाग को दें। इस तरह से आग घटनाओं से समय रहते काबू पाया जा सकता है और बेजुबान जानवरों को भी बचाया जा सकता है।
कांगड़ा के निकटवर्ती नंदरुल पंचायत में दो युवकों के डूबने से मौत हो गयी। ये दोनों युवक हरियाणा के कुरुक्षेत्र के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि दोनों नंदरुल पंचायत के एक बैंक में कारपेंटर का काम करने आए थे। इसी बीच दोनों नहाने के लिए नदरूल खड्ड में गए और दोनों डूब गए। लोगों की सूचना पर कांगड़ा पुलिस मौके पर पहुंची है। स्थानीय लोगों ने खड्ड में से दोनों युवकों के शव निकाल लिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे कार्रवाई कर रही है।
शुक्रवार को धर्मशाला स्थित एजुकेशन बोर्ड के पास उस समय हंगामा हो गया जब एक ट्रैफिक पुलिस धर्मशाला के एक कर्मचारी ने बस चालक को भरे बाजार में थप्पड़ जड़ दिए। जानकारी के अनुसार धर्मशाला में एजुकेशन बोर्ड के पास एक प्राइवेट बस की एक कार के साथ टक्कर हो गई। कार में वकील सवार थे। टक्कर होते ही सड़क में हंगामा हो गया। कार में सवार लोगों की बस चालक के साथ बहस हो गई। मामला थोड़ा शांत हुआ तो बस चालक बस को साइड में खड़ा करने के लिए बस में बैठने लगा। इस दौरान एक ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी ने दबंगई दिखाते हुए बस ड्राइवर को थप्पड़ जड़ दिए और बस से नीचे खींच लिया। इस पर बस ड्राइवर ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई मांग करने लगा। वहीं, धर्मशाला पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।


















































