हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक दर्दनाक हादसा प्रकाश में आया हैं। बताया जा रहा हैं कि बादली-गुरुग्राम रोड पर एक भीषण हादसा हुआ, इस हादसे में आठ लोगों की जान चली गई। ओवरटेक करने के चक्कर में एक कार आगे और पीछे आ रहे ट्रक के बीच में आ गई। कार में नौ लोग सवार थे। जिनमें आठ की मौके पर मौत हो गई और एक बच्ची की जान बच गई। मृतकों में चार पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। हादसे में मारे गए सभी लोग उत्तरप्रदेश के फिरोजाबाद जिले के गांव अनूप नंगला के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जो राजस्थान में गोगा मेड़ी के दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाले। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है। हादसे की जांच जारी है।
शाहरुख खान की मुश्किलें बेटे आर्यन के मामले में कम होती हुई नजर नहीं आ रही है SRK अपने बेटे को जेल से निकालने की पूरी कोशिश में लगे हुए हैं। ऐसे में हर किसी को अब 26 अक्टूबर को बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा सुनाए जाने वाले फैसले का इंतजार है। शाहरुख खान की चिंता का कारण ये है कि अगर 26 अक्टूबर को हाईकोर्ट किसी वजह से आर्यन की जमानत पर सुनवाई टाल देती है तो उनके बेटे को आगे 14 नवंबर तक जेल में ही रहना पड़ेगा। दरअसल,1 नवंबर से बॉम्बे हाईकोर्ट की दिवाली की छुट्टियां शुरू हो रही हैं। उसके बाद कोर्ट सीधे 14 नवंबर को ही खुलेगा। ऐसे में जमानत नहीं मिलने पर आर्यन की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। जैसे-जैसे वक्त निकल रहा है शाहरुख खान का इंतजार लंबा होता जा रहा है। आर्यन खान को एनसीबी ने 2 अक्टूबर को मुंबई से गोवा जा रही क्रूज में चल रही रेव पार्टी में रेड डालकर गिरफ्तार किया था। उसके बाद आर्यन 5 दिनों तक एनसीबी की कस्टडी में रहें फिर आर्थर रोड जेल भेज दिया गया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपना 57वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी समेत बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने बधाई दे रहे हैं। अमित शाह ने 2019 लोकसभा चुनाव में सांसद बनने के बाद राष्ट्रीय राजनीति में एंट्री ली थी। अपने कार्यकाल में उन्होंने आर्टिकल-370 को हटाना, नागरिकता संशोधन एक्ट और UAPA जैसे कठोर फैसले लिए हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए ट्विटर पर लिखा, "भारतीय राजनीति में कर्मठता, जीवटता एवं प्रतिबद्धता के आदर्श मानक, राष्ट्रवादी चेतना के प्रबल संवाहक, यशस्वी गृह व सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुयशपूर्ण व सुदीर्घ जीवन की कामना है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "केंद्रीय गृह मंत्री और हमारे वरिष्ठ सहयोगी श्री अमित शाह को उनको जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं।
देश में हर दिन पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं और आम आदमी की कमर तोड़ रहे हैं। आज एक बार फिर वैश्विक कच्चे तेल की दरों में उछाल के बाद ईंधन की कीमतें अब तक के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं हैं। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल और डीजल की दरें 35 पैसे बढ़कर क्रमश: 106.54 रुपये और 95.27 रुपये प्रति लीटर हो गईं हैं। आर्थिक नगरी मुंबई में आज पेट्रोल की कीमत 112.44 रुपये और डीजल के दाम 103.26 रुपये हो गए हैं। चेन्नई में पेट्रोल की कीमतें 103 रुपये प्रति लीटर के निशान को पार कर गई है और वर्तमान में यह 103.26 रुपये प्रति लीटर पर बेचा जा रहा है। वहीं डीजल की कीमत 99.59 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल के जाम 107.12 रुपये और डीजल की कीमत 98.38 रुपये है। बता दें कि फिलहाल देश में ईंधन की बढ़ती कीमतों में तुरंत कमी होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। हालांकि तेल की आपूर्ति और मांग के मुद्दे पर केंद्र सरकार कई तेल निर्यातक देशों के साथ बातचीत कर रही है लेकिन कीमतों में तत्काल राहत की कोई संभावना नहीं है।
क्रूज ड्रग्स केस में फंसे आर्यन खान के बाद अब एक और स्टारकिड एनसीबी के राडार पर आ गया है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो गुरुवार को चंकी पांडे की बेटी और ऐक्ट्रेस अनन्या पांडे के घर पहुंचीं और वहां जांच की। बताया जा रहा है कि एनसीबी के तीन अधिकारियों अनन्या के घर पर जांच की। टीम में एक महिला अधिकारी भी शामिल थी। एनसीबी ने अब अनन्या को दोपहर 2 बजे पूछताछ के लिए बुलाया है। अनन्या के बाद एनसीबी की टीम शाहरुख खान के घर 'मन्नत' भी पहुंची। बताया जा रहा है कि एनसीबी, आर्यन खान के कमरे से लेकर अन्य चीजों का सर्च ऑपरेशन कर रही है। एनसीबी ने आर्यन पर 'इंटरनैशनल ड्रग्स तस्करी' का आरोप लगाया था। ऐसे में एनसीबी को शक है कि आर्यन के पास से कुछ और सबूत मिल सकते हैं। बता दें कि 20 अक्टूबर को कोर्ट में आर्यन की बेल पर सुनवाई से पहले एनसीबी ने कहा था कि उसने कोर्ट में आर्यन की वॉट्सऐप चैट्स को सबमिट कर दिया है। NCB ने कहा था कि पुलिस को ड्रग से संबंधित वॉट्सऐप चैट्स मिली हैं जो कि कथित तौर पर आर्यन और एक डेब्यू ऐक्ट्रेस के बीच की हैं। हालांकि तब एनसीबी ने ऐक्ट्रेस के नाम का खुलासा नहीं किया था। लेकिन अब साफ हो गया है कि वह ऐक्ट्रेस अनन्या पांडे हैं।
फेस्टिव सीजन शुरू होते ही लोगों में सोना-चांदी खरीदने की होड़ लग जाती है। करवा चौथ और दिवाली के मौके पर कई लोग गोल्ड खरीदना चाहते हैं जिसका असर गोल्ड के रेट पर साफ दिख रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर दिसंबर वायदा गोल्ड फ्यूचर 0.43 फीसदी की बढ़त के साथ यानी 164 रुपये की तेजी के साथ 47,548 के लेवल पर ट्रेड कर रहा है। सोना और चांदी दोनों की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। वहीं, पिछले कारोबारी दिन में सोना 47,548 प्रति 10 ग्राम के लेवल पर बंद हुआ था। इसके अलावा चांदी की कीमतों की बात करें तो यह 65,607 रुपये प्रति किलोग्राम के लेवल पर है। ग्लोबल मार्केट में हाजिर सोना 0.1 फीसदी गिरकर 1,800 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
मुंबई में तट के पास क्रूज जहाज से ड्रग्स जब्त किए जाने के मामले में बॉलीवुड अभिनेता शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान जेल में बंद हैं। कल मुंबई सेशंस कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उनके वकीलों ने तुरंत बॉम्बे हाईकोर्ट में अपील दायर कर निचली अदालत के आदेश को चुनौती दे दी। अब उनके वकील ने बॉम्बे हाईकोर्ट में बेल की अर्जी दी है। वहीं बॉम्बे हाईकोर्ट में आर्यन खान की जमानत पर 26 अक्टूबर यानी मंगलवाक को सुनवाई होगी। जिसका मतलब है कि आर्यन को अभी 26 अक्टूबर तक जेल में ही रहना पड़ेगा। मालूम हो कि आर्यन खान के वकील सतीश मानशिंदे ने जज से शुक्रवार या सोमवार को बेल पर सुनवाई करने की अपील की थी लेकिन जिस्टिस साम्ब्रे ने सुनवाई को 26 अक्टूबर को फिक्स कर दी है। बता दें कि आर्यन खान अरबाज मर्चेंट सहित अन्य आरोपियों को मुंबई की ऑर्थर रोड जेल के बैरक नंबर एक में रखा गया था। बैरक नंबर 1 कोरोना काल में एक आइसोलेशन वार्ड के तौर पर तैयार किया गया है। जब भी कोई नया कैदी जेल में आता है तो उसे 1 हफ्ते तक आइसोलेशन वार्ड यानी बैरक नंबर एक में रखा जाता है। आर्यन खान सहित सभी आरोपियों को एक दूसरे से अलग कर अलग-अलग बैरक में रखा गया है।
पर्वतीय क्षेत्रों में हुई लगातार बारिश मैदानी इलाको में आफत बनकर बरसी है। इसी तरह उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में हुई बारिश का कहर यूपी पर टूटा है। शारदा, रामगंगा, कोसी, मालन और गंगा में उफान और बनबसा, कालागढ़ समेत कई बांधों से पानी छोड़ने से मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बरेली और शाहजहापुर जिलों में सैकड़ों गांव डूब गए हैं। हजारों एकड़ खेत जलमग्न हैं और सैकड़ों लोगों को सुरक्षित जगह भेजा गया है। वायुसेना, एसएसबी, एसडीआरएफ भी बचाव कार्यों में जुटी है। वायुसेना ने पीलीभीत में शारदा की बाढ़ में फंसे 26 लोगों को बुधवार सुबह हेलिकॉप्टर से सुरक्षित स्थान पहुंचाया। रामनगर बैराज से छोड़े पानी से रामपुर में कोसी, पीलाखार, धौरी और भाखड़ा नदियां उफान पर हैं। तेज बहाव से रामपुर के तीन युवक कोसी में बह गए। दो को बचा लिया गया, एक की डूबकर मौत हो गई। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रामपुर-मुरादाबाद के बीच बुधवार को आवाजाही पांच घंटे बंद रही। रामपुर-मुरादाबाद के बीच साढ़े सात घंटे ट्रेनों की आवाजाही भी बंद रखी गई। गर्रा, खन्नौत, गंगा और रामगंगा नदियों में उफान से शाहजहांपुर बाढ़ की स्थिति है। कालागढ़ बांध से पानी छोड़े जाने के बाद सतर्क किया गया है। बदायूं में नरौरा बैराज से एक लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ने के बाद गंगा ने कछला में खतरे का निशान पार कर दिया है।
बुधवार को सेशन कोर्ट में आर्यन की जमानत याचिका खारिज हो गई थी। आर्यन खान केस में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो लगातार जमानत का विरोध कर रहा है। NCB की सभी दलीलें मुख्य रूप से वॉट्सऐप चैट पर आधारित हैं। अब आर्यन की जमानत के लिए उनके वकील ने बॉम्बे उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। ड्रग्स क्रूज शिप मामले में ड्रग्स के मामले में जेल में बंद बेटे आर्यन खान से शाहरुख खान मुंबई के आर्थर रोड जेल मिलने पहुंचे। कई दिनों से जेल में बंद बेटे से पहली बार शाहरुख मिलने पहुंचे। बेटे से मिलकर शाहरुख खान ने 15 मिनट तक बात की, जेल से बाहर आते हुए किंग खान ने मीडिया से बात करने से परहेज किया। एनसीबी ने शाहरुख के बेटे आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा को मादक पदार्थ रखने, इससे संबंधित साजिश, इसके सेवन, खरीद और तस्करी करने के आरोप में तीन अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। तीनों इस समय न्यायिक हिरासत में हैं। इतने दिनों से जेल में बंद आर्यन से पहली बार शाहरुख खान ने मुलाकात की है। अब तक शाहरुख की मैनेजर ही आर्यन का हाल चाल लेने जेल आ रही थीं। शाहरुख के पास अपने बेटे को जमानत दिलाने के लिए सात दिन का समय है। क्योंकि कोर्ट में जल्द ही दीवाली की छुट्टियां शुरू होने जा रही हैं। ऐसे में आर्यन खान के वकीलों की कोशिश होगी कि जल्द से जल्द आर्यन की रिहाई की कोशिश करें। ऑर्थर रोड जेल प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक आर्यन खान समेत सभी आरोपियों को गुरुवार को हाईकोर्ट नहीं ले जाया जाएगा बल्कि सभी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट रूम में पेश किया जाएगा। बुधवार को आर्यन की जमानत याचिका खारिज होने के बाद सतीश मानशिंदे ने हाई कोर्ट का रुख किया था।
उत्तराखंड में आई प्राकृतिक आपदा को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी चिंता में है। इसी के मद्देनजर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार को देर रात देहरादून पहुंच गए। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केन्द्रीय मंत्री अजय भट्ट और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने केन्द्रीय गृहमंत्री का स्वागत किया। अमित शाह आज उत्तराखण्ड में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। जानकारी अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को आपदा प्रभावित स्थानों का पहले हवाई सर्वेक्षण करेंगे। उसके बाद जौलीग्रांट स्थित देहरादून एयरपोर्ट पर ही अधिकारियों की बैठक लेंगे और दिशा-निर्देश देंगे। प्रदेश भाजपा ने बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के सभी कार्यक्रम 24 अक्तूबर तक स्थगित कर दिए हैं। शहीद सम्मान यात्रा भी टाल दी गई है। कैबिनेट मंत्रियों ने भी अपने कार्यक्रम टाल दिए हैं।
क्रूज ड्रग्स पार्टी मामले में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को सेशंस कोर्ट से जमानत नहीं मिली है। अब उनके वकील ने कहा कि वो इसके लिए बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख करेंगे। सेशंस कोर्ट की ऑर्डर कॉपी मिलने के बाद हाईकोर्ट जाएंगे। आर्यन खान के अलावा अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा की जमानत अर्जी भी कोर्ट ने खारिज कर दी। एक हफ्ते से ज्यादा समय से आर्यन खान ऑर्थर रोड जेल में साधारण कैदी की तरह रह रहे हैं। शुरुआत में जब आर्यन, अरबजा और मुनमुन को ऑर्थर रोड जेल में लाया गया थो कोविड प्रोटोकॉल के तहत उन्हें सात दिनों के आइसोलेशन में रखा गया था। जानकारी के मुताबिक, आर्यन खान ने वीडियो कॉल पर अपने परिजनों से बात भी की थी। 2अक्टूबर की रात को NCB ने आर्यन को गिरफ्तार किया था। तब से लेकर अब तक 17 दिन बीत चुके हैं लेकिन आर्यन ड्रग्स केस में जेल से बाहर नहीं आ पाया है। शाहरुख खान परिवार भी टेंशन में है। NCB को आर्यन के पास से ड्रग्स नहीं मिले हैं। लेकिन एनसीबी ने कोर्ट में दावा किया कि आर्यन कई साल से ड्रग्स ले रहा है। आरोप तो यहां तक लगाया गया कि आर्यन ड्रग्स के गिरोह से जुड़ा है। हालांकि बॉलीवुड से जुड़े लोग ही एनसीबी के दावों पर सवाल उठा रहे हैं। आमतौर पर इस तरह के केस में जल्दी जमानत हो जाती है पर आर्यन का केस कानूनी पेचिदगियों में ऐसा उलझा है कि 17 दिन से वो बाहर नहीं आ पाया। सेशंस कोर्ट ने भी 14 अक्टूबर को सुनवार कर फैसला सुरक्षित कर लिया था। लेकिन छुट्टियों की वजह से फैसला आज तक के लिए टल गया।
देश में लगातार पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। भारतीय तेल विपणन कंपनियों ने मंगलवार यानी 20 अक्टूबर 2021 को पेट्रोल और डीजल के दामों में 0.35 पैसे की बढ़ोतरी कर दी है। देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 106.19 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. वहीं डीजल इस बढ़ोतरी के बाद 94.92 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल 112.11 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं डीजल भी 102.89 रुपये बिक रहा है। मुंबई में डीजल के दामों में 0.37 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं पेट्रोल के दामों में भी 0.34 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चेन्नई में पेट्रोल 103.01 रुपये लीटर बिक रहा है, तो कोलकात्ता में पेट्रोल का प्राइस 106.43 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच चुका है।
त्योहारी सीजन में सोने-चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। करवाचौथ और दिवाली से पहले बाजार में गोल्ड की मांग में तेजी देखने को मिल रही है, जिसका असर गोल्ड की कीमतों में साफ देखने को मिल रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंजपर दिसंबर वायदा गोल्ड फ्यूचर 0.25 फीसदी की बढ़त के साथ यानी 117 रुपये की तेजी के साथ 47,397 के लेवल पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, पिछले कारोबारी दिन में सोना 47,280 प्रति 10 ग्राम के लेवल पर बंद हुआ था। इसके अलावा चांदी की कीमतों की बात करें तो यह 64,505 रुपये प्रति किलोग्राम के लेवल पर है। मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक, दिवाली से दिसंबर तक सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिल सकती है। इस अवधि में गोल्ड की कीमतें 57 हजार से लेकर 60 हजार तक जा सकती हैं। वहीं, चांदी की कीमतों में भी तेजी जारी रह सकती है। इस दौरान चांदी की कीमतें 76,000 से 82,000 रुपये प्रति किलो तक जा सकती हैं।
सब्जियों और फलों के बढ़ते दाम ने महिलाओं की रसोई का जायका बिगाड़ कर रख दिया है। दिन प्रतिदिन फलों और सब्जियों के बढ़ते रेट से इनको आम आदमी की पहुंच से बाहर कर दिया हैं। जिससे लोगों में सरकार के प्रति खासा रोष देखने को मिल रहा है। लोगों ने बताया कि आज टमाटर 80 रुपये किलो, गोभी 60 रुपये किलो, खीरा 40 रुप,ये किलो बैंगन 40 रुपयो किलो, शिमला मिर्च 120 रुपये किलो, मूली 40 रुपये किलो आलू 30 रुपये किलो बाजार में बिक रहा है। जिससे आम आदमी का जीना दूभर हो गया है यही हाल फलों का है केला 60 रुपये दर्जन वही सेब 100 रुपये से कम नहीं मिल रहा है। अनार उससे भी महंगा मिल रहा है कोई भी फल सस्ता नहीं मिल रहा है। लोगों ने केंद्र व प्रदेश सरकार को इसके लिए दोषी ठहराया है।
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के छालिंग गांव की सोनम अंगमो ने जेईई एडवांस्ड की परीक्षा के एसटी वर्ग में पूरे देश मे 70वां रैंक प्राप्त किया है। सोनम को अब देश के टॉप आईआईटी में प्रवेश मिलना तय है। सोनम अंगमो और उनका परिवार मयाड़ घाटी के जिस छालिंग गांव में रहता है, वहां आजादी के दशकों बाद भी न तो मोबाइल नेटवर्क है और न ही इंटरनेट सुविधा। परिवार का पालन-पोषण खेतीबाड़ी से होता है। इसके बावजूद माता पदमा देचिन और पिता नोरबू का हौसला नहीं डगमगाया। अंगमो भी मजबूत हौसले और कुछ कर गुजरने के जज्बे को लेकर आगे बढ़ती रहीं। सोनम अंगमो ने पांचवीं तक की पढ़ाई राजकीय प्राथमिक स्कूल छालिंग से की है। इसके बाद अंगमो ने स्पीति के लरी नवोदय स्कूल में दाखिला पाया। 10वीं की पढ़ाई के बाद जेएनवी कुल्लू से 12वीं की परीक्षा पास की। उसके बाद जेईई मेन की परीक्षा दी। एडवांस परीक्षा की रैंकिंग के आधार पर दावा किया जा रहा है कि सोनम अंगमो को टॉप-5 आईआईटी में प्रवेश मिलेगा। वहीं, माता-पिता को अपनी बेटी की सफलता पर गर्व है। सोनम की इस कामयाबी से छालिंग गांव में खुशी का माहौल है। इससे पहले उन्होंने जेईई मेन्स की परीक्षा में 98.2 परसेंटाइल हासिल किए थे।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग में एचआरटीसी बस की अचानक ब्रेक फेल हो गई। लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया।यह घटना शोरशन के समीप हुई। बस चालक ने सीट पर खड़ा होकर जोर से ब्रेक दबाने का भी प्रयास किया, लेकिन बस नहीं रुकी। चालक ने ब्रेक फेल होने की भनक सवारियों तक को नहीं लगने दी और सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को लिंक रोड पर चढ़ा दिया। जिसके बाद बस की स्पीड कम हुई और धीरे-धीरे पीछे हटी। इसके बाद बस सड़क पर पलट गई। इस दौरान बस का शीशा टूटने से दो लोगों को हल्की चोटें आई हैं जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुन्नी ले जाया गया है। चालक की सूझबूझ से बस को भी नुकसान नहीं हुआ। ये बस सलाणा से करसोग जा रही थी। बस मे में चालक-परिचालक सहित 13 लोग सवार थे। हादसे की सूचना क्षेत्रीय प्रबंधकसहित थाना करसोग को दी गई।
जम्मू कश्मीर में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। सेना के साथ जारी मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए हैं। इलाके को पूरी तरह से सुरक्षित घोषित करने और आतंकियों के खात्मे को लेकर सेना की ओर से सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। जवानों की कोशिश है कि जल्द से जल्द इलाके में छुपे हुए आतंकियों को गिरफ्तार करके भय मुक्त घोषित कर दिया जाए। बता दें कि इलाके में छुपे आतंकी जवानों की ओर से चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान गोलीबारी शुरू कर दी। आतंकियों की ओर से जारी गोलीबारी के बाद जवानों ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। सेना की ओर से जवाबी कार्रवाई में दो आतंकी ढेर हो गए हैं। इस घटना में किसी भी जवान के हताहत होने की खबर नहीं है। बता दें कि जवानों को शुरुआती जानकारी मिली थी कि इलाके में आतंकी छुपे हुए हैं। आतंकियों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया और आतंकियों को हथियार डालने को कहा।
उत्तराखंड में भारी बारिश से बिगड़े हालात के बीच केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शाम देहरादून जाएंगे। वहां पर गृह मंत्री उच्चाधिकारियों और राहत टीम में शामिल लोगों के साथ उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। बैठक में सीएम पुष्कर सिंह धामी और एनडीआरएफ के अधिकारी भी मौजूद होंगे। कल अमित शाह बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे भी करेंगे। उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में मूसलाधार बारिश होने से मंगलवार को 42 और लोगों की मौत हो गयी और कई मकान ढह गए। कई लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं। इसके साथ ही वर्षाजनित घटनाओं में अब तक मरने वालों की संख्या 47 हो गई है। वंही कुमाऊं क्षेत्र में 42 और लोगों की मौत के साथ ही आपदा के कारण मरने वालों की संख्या 47 हो गई है क्योंकि पांच लोगों की मौत सोमवार को हुई थी।
श्रीनगर समेत कश्मीर घाटी की 11 जगहों पर NIA आतंकियों के मददगार पर शिकंजा कस रही है। NIA कश्मीर में ओवरग्राउंड आतंकियों की तलाश में इस वक़्त छापेमारी कर रही है। श्रीनगर, बारामूला, पुलवामा, अवंतीपुरा, सोपोर और कुलगाम में 11 जगहों पर छापेमारी चल रही है। श्रीनगर में 4 जगहों पर छापेमारी हो रही है। एनआईए के एक प्रवक्ता ने कहा कि एनआईए ने इस महीने की 13 तारीख को इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था और चार कथित आरोपियों की पहचान चट्टाबल श्रीनगर निवासी वसीम अहमद सोफी, शेरगढ़ी श्रीनगर के तारिक अहमद डार, परिमपोरा श्रीनगर के बिलाल अहमद मीर उर्फ बिलाल फूफू के रूप में की थी। और राजौरी कदल श्रीनगर के तारिक अहमद बफंडा को भी गिरफ्तार किया।
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में मंगलवार को कुछ लोगों ने कथित तौर पर पुलिस पर पथराव करने के साथ जलते हुए पटाखे फेंक दिए। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आत्मरक्षा में लाठीचार्ज किया और उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। यह जानकारी अधिकारियों ने दी है। अधिकारियों ने बताया कि घटना शहर के मछली बाजार इलाके में पैगंबर मुहम्मद के जन्मदिन मिलाद-उन-नबी के मौके पर उस वक्त हुई। जब बड़ी तादाद में लोग मस्जिद में नमाज अदा करने जा रहे थे। वहीं, पुलिस उन्हें निर्धारित मार्ग से जाने के लिए कह रही थी। संवेदनशील इलाका होने के कारण पुलिस सावधानी बरत रही थी।
प्रधानमंत्री मोदी आज उत्तरप्रदेश के कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही पीएम श्रीलंका से आए विशेष अतिथियों को सम्बोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्रीमोदी एक जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे। कार्यक्रम में उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उपस्थित रहेंगे। भगवान बुद्ध का महापरिनिर्वाण स्थल होने के कारण कुशीनगर बौद्ध धर्म से जुड़े दक्षिण एशियाई देशों के यात्रियों के लिए तीर्थ स्थल और आकर्षण का केंद्र है। एयरपोर्ट के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महापरिनिर्वाण स्थल स्तूप और मंदिर के पास एक सभा को सम्बोधित भी करेंगे जिसमें श्रीलंका के बौद्ध भिक्षु और श्रीलंका के मंत्रीगण मौजूद रहेंगे। एयरपोर्ट के लोकार्पण के बाद पर्यटन विभाग का एक प्रमोशनल कार्यक्रम भी होगा जिसमें बुद्धिस्ट सर्किट से जुड़े मुख्य टूर आपरेटर मौजूद रहेंगे। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लाभ आसपास के 15 ज़िलों के क़रीब दो करोड़ यात्रियों को मिलेगा। इनमें पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी व पश्चिमी बिहार के उन नागरिकों को लाभ होगा जो नौकरी के लिए दूर के शहरों में रहते हैं। यूपी में विधानसभा चुनाव हैं और चुनाव से पहले ये पीएम मोदी का यूपी की जनता को बड़ा तोहफा होगा। इस एयरपोर्ट से केले, स्ट्रॉबेरीऔर मशरूम की खेती करने वाले किसानों को भी काफ़ी लाभ मिल सकेगा।
केरल में इन दिनों हो रही बारिश ने तबाही मचाई है। इसके चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक केरल में 12 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक बारिश से होने वाली मौतों की संख्या 41 है। वहीं, दक्षिणी राज्य में आगे भी तूफानी मौसम होने की संभावना जताई जा रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने केरल में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार से प्रभावी 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया, साथ ही गंभीर मौसम बने रहने की चेतावनी जारी की है। बाढ़ और भूस्खलन ने इडुक्की में मुंडाकायम क्षेत्र के कई निवासियों को बेघर कर दिया। हालांकि सोमवार को बारिश थम गई, लेकिन कई बांधों के जलग्रहण क्षेत्रों में अभी भी बारिश हो रही है, जिससे जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है।अधिकारियों ने 10 बांधों में रेड अलर्ट जारी किया है। पठानमथिट्टा जिले में कक्की और पंबा बांधों के स्लुइस गेट खोले गए। राज्य के राजस्व मंत्री के राजन ने पठानमथिट्टा में एक समीक्षा बैठक के बाद कहा कि पंबा और अन्य नदियों में जल स्तर बढ़ने के कारण सबरीमाला पहाड़ी मंदिर की तीर्थयात्रा रोक दी गई है।
उत्तराखंड में लगातार बारिश के दौरान भूस्खलन और ठंड से पिछले 48 घंटे के दौरान 46 लोगों की मौत हो गई। बारिश ने सबसे ज्यादा तबाही नैनीताल में मचाई है। नैनीताल का संपर्क देश-दुनिया से कट गया है। काठगोदाम रेलवे स्टेशन की पटरियां गौला नदी में बह गई हैं, जिस कारण ट्रेनों का संचालन निरस्त कर दिया गया है। पहाड़ के कई मार्ग मलबा आने के कारण बंद हो गए हैं। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम की यात्रा को फिलहाल स्थिति सामान्य होने तक रोका गया है। कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट से फोन पर बात कर राज्य के हालात की जानकारी ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि राहत कार्यों के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भी सक्रिय करने के निर्देश दे दिए गए है। प्रधानमंत्री ने प्रदेश को हर आवश्यक सहयोग दिए जाने के प्रति आश्वस्त किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को वस्तुस्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में कुछ स्थानों पर नुकसान हुआ है।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे-7 पर एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। नेशनल हाईवे-7 पर एक अज्ञात वाहन ने तीन मजदूरों को टक्कर मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। इस हादसे को अंजाम देने के बाद चालक घटना स्थल से फरार हो गया। घायलों को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया है। उधर, सूचना मिलते ही माजरा पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक हादसा टोकियों गांव के समीप पेश आया। बताया जा रहा है कि तीन मजदूर बेहड़ेवाला स्थित जूता कंपनी में ड्यूटी के लिए पैदल जा रहे थे कि अचानक अज्ञात वाहन ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सलमान खान पुत्र अहमद अली निवासी सैनवाला मुबारकपुर, सुरेश देवी पत्नी महेंद्र सिंह निवासी टोकियों सैनवाला व पूनम यादव पुत्री रघु यादव निवासी लखीमपुर खीरी (यूपी) घायल हुए हैं।
उत्तर प्रदेश में कई सालों से सत्ता से दूर कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले पूरी तरह से एक्शन में आ गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लगातार जनाधार बढ़ाने की कोशिश में लगी हैं। इसी सिलसिले में यूपी चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति बताने के लिए उन्होंने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि ''आने वाले उत्तर प्रदेश के चुनावों में हम 40% टिकट (उम्मीदवार) हम महिलाओं को देंगें। यह निर्णय उन सब महिलाओं के लिए है जो चाहती हैं कि उत्तर प्रदेश में बदलाव आए, प्रदेश आगे बढ़े।'' उन्होंने कहा कि ''महिलायें राजनीति में पूरी भागीदार होंगी। 2019 के चुनाव में जब आयी थी तो इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की कुछ लड़कियां मिली थी, उन्होंने बताया था कि होस्टल में लड़के लड़कियों के लिए कानून अलग थे। ये निर्णय उसके लिए जिसने गंगा यात्रा के दौरान मुझसे कहा था कि मेरे गांव में पाठशाला नहीं है। प्रयागराज की पारो के लिए जिसने हाथ पकड़कर कहा कि मैं नेता बनना चाहती हूं। '' प्रियंका गांधी ने कहा कि ''महिला को टिकट जाति के नहीं, सक्षमता के आधार पर दिया जाएगा। उसके क्षेत्र में लोग कितना पसंद करते हैं यह आधार होगा। हमें प्रत्याशी मिलेंगे भी, लड़ेंगी भी। इस बार मजबूत नहीं होंगी तो अगली बार होंगी। 2024 में इससे अधिक महिलाओं को मौका मिल सकता है। ''प्रियंका ने कहा कि ''मेरा बस चलता तो 50 फीसदी करती। इसके पीछे मुख्य सोच ये है कि जो महिला है वो एक जुट होकर फ़ोर्स नहीं बन रही। उसे जाति धर्म में बांटा जा रहा है। उन्हें लगता है कि गैस से खुश कर लेंगे।''
कश्मीर घाटी में आतंकी लगातार गैर स्थानीय लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। इस महीने ही आतंकियों ने अब तक 11 गैर-कश्मीरी लोगों को मार दिया है। इस वजह से घाटी में दहशत का माहौल है। लोग यहां से पलायन कर रहे हैं। हालांकि सुरक्षाबल आतंकियों को ढूंढकर उनका खात्मा कर रहे हैं। पुंछ के जंगलों में सेना का सर्च ऑपरेशन 9वें दिन भी जारी है। इस बीच घाटी में आतंकी साजिश को लेकर नया अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू कश्मीर घाटी में आतंकियों हमलों के बाद सबसे ज्यादा चिंता बिहार के लोगों की बढ़ी है। पिछले एक पखवारे में जम्मू कश्मीर में बिहार के चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आतंकियों के इस कायरतापूर्ण घटना को लेकर बिहार के उन लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं, जिनके परिजन दो जून की रोटी की जुगाड़ में जम्मू कश्मीर गए हैं। जम्मू कश्मीर में 5 अक्टूबर को भागलपुर के वीरेंद्र पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शनिवार को बांका जिले के बाराहाट प्रखंड के रहने वाले अरविंद कुमार साह आतंकियों का निशाना बन गए। रविवार को बिहार के सीमांचल के अररिया जिले के रहने वाले राजा ऋषिदेव और योगेंद्र ऋषिदेव की आतंकियों ने हत्या कर दी। अररिया जिले के बौंसी थाना क्षेत्र के डाहटोला निवासी राजा ऋषिदेव की मौत की खबर सुनकर गांव में मातम पसर गया है। राजा रोजी रोजगार के लिए छह महीने पहले ही जम्मू कश्मीर गया था। उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस वजह से अब जम्मू-कश्मीर से लोग पलायन करने लगे हैं।
तालिबान द्वारा इस साल अगस्त में अफगानिस्तान पर कब्जा करने के बाद भारत में आतंकवाद के लगातार इनपुट मिले रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के अलावा केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु जैसे कई दक्षिणी राज्यों को भी केंद्रीय एजेंसियों से आतंकवादी इनपुट प्राप्त हुए हैं। वहीं केंद्र सरकार ने भी आतंकवाद के खिलाफ कमर कस ली है। जम्मू कश्मीर में सुरक्षा हालातों की समीक्षा करने सेना प्रमुख एमएम नरवणे जम्मू पहुंचे। सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकंद नरवणे ने आज पुंछ जिले में एलओसी के पास फॉरवर्ड एरिया का दौरा किया. यहां जवानों से मुलाकात की. इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षा की स्थिति और काउंटर टेरर ऑपरेशन्स की जानकारी दी। जम्मू के राजौरी पुंछ में 11 अक्टूबर से जारी ऑपरेशन का आज नौवां दिन है, इस ऑपरेशन को अंजाम तक पहुंचाने के लिए अब जम्मू से भी सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियों को पुंछ भेजा जा रहा है। इस ऑपरेशन में अब तक दो जेसीबी समेत भारतीय सेना के नौजवान देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दे चुके हैं।
मुंबई क्रूज ड्रग्स पार्टी में गिरफ्तार आर्यन खान के मौलिक अधिकारों की रक्षा की मांग लेकर शिवसेना ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। साथ ही मुंबई में एनसीबी की भूमिका की जांच कराने की भी मांग की है। याचिका में आर्यन के मौलिक अधिकारों के उल्लंघन मामले की जांच शीर्ष अदालत के एक मौजूदा न्यायाधीश से कराने का आदेश देने की मांग की गई है। संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत याचिका देते हुए, राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त किशोर तिवारी ने सीजेआई एनवी रमण से इस मामले में ‘सर्वोच्च प्राथमिकता’ के आधार पर हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, पिछले लगभग दो वर्षों से ‘दुर्भावनापूर्ण उद्देश्यों’ के साथ एनसीबी पक्षपात रवैया अपना रहा है और फिल्मी हस्तियों, मॉडलों व अन्य सेलिब्रिटी को परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा, विशेष एनडीपीएस कोर्ट द्वारा आर्यन खान और अन्य आरोपियों की जमानत याचिका पर फैसला 20 अक्तूबर तक सार्वजनिक अवकाश का हवाला देते हुए टालने से आरोपी का बड़ा अपमान हुआ है। आर्यन खान को अलोकतांत्रिक व अवैध रूप से जेल में 17 रातों के लिए रखा गया। यह संविधान में निहित जीवन और स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार की पूरी तरह से अवहेलना है। क्रूज ड्रग्स पार्टी मामले में गिरफ्तार आर्यन खान ने सोमवार को जेल में काउंसिलिंग के दौरान कहा कि वह अच्छा नागरिक बनेगा और देश की सेवा करेगा। एनसीबी मुंबई के क्षेत्रीय निदेशक समीर वानखेडे़ ने खुद आर्यन की काउंसिलिंग की और उसे नशे से दूर रहने की सलाह भी दी गई।
केरल में बढ़ते बाढ़ के हालात के बीच केरल सरकार ने सभी डैम के शटर खोलने का फैसला किया है। इस फैसले के बाद आज राज्य के सबसे बड़े रिजर्वायर इडूक्की डैम के शटर खोले जाएंगे। जिसका 93% स्टोरेज भर चुका है. अक्टूबर 12 से अब तक 41 लोगों ने इस बारिश से आई तबाही में अपनी जान गवां दी है। इडूक्की डैम खोलने के फैसले के बीच अब इडूक्की और कोच्चि के लोगों को सुरक्षित जगह भेजा जा रहा है। डिजास्टर मैनेजमेंट टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है ताकि पानी का बहाव ज्यादा होने से पहले ही लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके। डैम के शटर खोलने का फैसला IMD द्वारा तीन दिन और ज्यादा भारी बारिश की चेतावनी के बाद लिया गया है। IMD के अनुसार 20 अक्टूबर से तीन दिन रेड अलर्ट है और भारी से भारी बारिश की आशंका है। 2018 में भारी बारिश के बाद इडूक्की डैम के शटर देरी से खोलने का खामियाजा कई लोगों की जान गवां का हुआ था, यही कारण है कि 2018 की बाढ़ से सबक लेते हुए केरल सरकार ने डैम से पानी छोड़ने का फैसला किया है। जिसके बाद निचले इलाकों में बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। खास कर इडूक्की और कोच्चि में, क्योंकि पेरियार नदी का बहाव अब काफी तेज हो गया है। इदुककी डैम आज 11 बजे खोला जायेगा। वहीं इडामलयार डैम सुबह 6 बजे खोला गया. कक्की डैम भी खोला जा चुका है। जिसके कारण चेंगन्नुर, पांडनाड, थिरुवंदूर में जलभराव हो गया है। ये अलप्पुला की वहीं जगह है जहां 2018 में भी बाढ़ ने जिंदगी अस्त व्यस्त कर दी थी। साथ ही पदनमटिट्टा के पंबा नदी का डैम भी आज ही खोला जायेगा जिसके बाद सबरीमाला समेत पदनमटिट्टा के कई इलाकों में बाढ़ के हालात बन चुके हैं। लोगों को एहतियातन सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की गई है। कल देर रात तक प्रशासन लाउडस्पीकर से अलर्ट देते रहें। सरकार ने रिलीफ कैंप 100 से बढ़ाकर अब 240 कर दिए हैं। लोगों के रेस्क्यू और रिलीफ ऑपरेशन के लिए आर्मी, नेवी, एयरफोर्स, एनडीआरएफ समेत लोकल डिजास्टर मैनेजमेंट टीम और मछुआरे भी उतर आए हैं। जो सड़को पर अपनी नावों के साथ लोगों को खतरे से निकाल रहे हैं। अब तक इडूक्की, त्रिसूर और पदनमटिट्टा के 10 डैम पर रेड अलर्ट जारी किया गया है जिसमे कक्कि, शोलयार, माटूपट्टी, मूलियार, कुंडला, पीछी डैम शामिल है। वहीं 8 अन्य डैम ऑरेंज अलर्ट पर रखे गए हैं। बाढ़ के हालात देखते हुए सबरीमाला मंदिर की यात्रा को भी होल्ड पर रखा गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात अक्तूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद उन्हें लगातार दो बार सीएम पद के लिए चुना गया। 13 साल सीएम रहने के बाद वे 2014 में प्रधानमंत्री बनें, तब से वह इसी पद पर हैं। इस तरह उन्होंने सत्ता में 20 साल पूरे किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में 20 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 'मोदी वैन' को हरी झंडी दिखाएंगे। भारतीय जनता पार्टी के सेवा ही संगठन कार्यक्रम के तहत यह वैन कौशांबी विकास परिषद के द्वारा ऑपरेट की जाएगी। इस वैन का संचालन भाजपा के राष्ट्रीय सचिव व कौशांबी से लोकसभा सांसद विनोद सोनकर द्वारा किया जाएगा। कौशांबी की पांच विधानसभाओं में पांच वैन घूमेंगी। इस वैन की खासियत कि बात की जाये तो इसमें 32 इंच का टेलीवीजन होगा और ये पूरी तरह हाईस्पीड इंटरनेट सर्विस से लैस होंगी। जगह-जगह ये वैन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण करेंगी, साथ ही उनकी रैलियां व भाषणों को भी जनता को दिखाएंगी। यह वैन ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक और टीकाकरण के लिए प्रेरित करेगी। इसके अलावा वैन जहां भी जाएगी गांवों को स्वच्छ रखने, जल संचय करने के लिए भी लोगों को प्रेरित करेंगी। इतना ही नहीं वैन के जरिए केंद्र की विभिन्न योजनाओं के लिए लोगों का पंजीकरण भी किया जाएगा।
"आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया" हिंदी का ये मुहावरा अब सिर्फ एक मुहावरा ही नहीं रह गया बल्कि आम आदमी के जीवन की वास्तविकता बन गया है। पहले कोरोना महामारी ने आम आदमी की कमर तोड़ी और अब ये दिन दोगुनी रात चौगुनी तरक्की करती महंगाई आम आदमी की जान लेने पर तुली है। महंगाई की मार रसोई के तड़के से लेकर गैराज में खड़ी गाड़ी तक पहुँच गई है। हर तरफ हाहाकार है। आम आदमी की आमदनी तो वहीं ठहरी है, लेकिन जीवन यापन के लिए आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान छूते जा रहे है। इस पर त्योहारी सीजन है सो जाहिर है आम आदमी की परेशानी में और इजाफा हुआ है। सरकार से पूछा जाए तो "इस पर हमारा नियंत्रण नहीं है" कह कर नेता अपना पल्ला झाड़ लेते है और विपक्ष इस महंगाई को आम आदमी की समस्या से ज़्यादा चुनावी मुद्दे की तरह देखता है। यानी चुनाव के दौरान तो पेट्रोल और भाजी के दाम पर बड़े बड़े भाषण दिए जाते है परन्तु बाद में इसके समाधान पर चर्चा तक नहीं की जाती। हिमाचल में एक सप्ताह के भीतर प्याज में 20 रुपये की बढ़ोतरी के साथ ही दाम 50 रुपये और टमाटर में करीब 30 रुपये की बढ़ोतरी के साथ दाम 65 रुपये प्रति किलो पहुंच गए है। तर्क दिया जा रहा है की परिवहन खर्च बढ़ने और मैदानी इलाकों में मानसून में जोरदार बरसात के चलते प्याज की फसल खराब होने से रेट बढ़े हैं। ऊना में प्याज 50 और टमाटर 80 रुपये, जिला कांगड़ा में प्याज 50, टमाटर 65 रुपये किलो हैं। दाल पर भी महंगाई का तड़का लग चुका है। आटे का पांच किलो का पैकेट 40 तो ब्रेड का पैकेट 10 रुपये महंगा हो गया है। रसोई गैस के दाम 907 रुपये प्रति सिलेंडर पहुंच गया। वहीं, पेट्रोल 102.53 रुपये और डीजल 94.58 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। इससे आम लोगों का बजट बिगड़ने लगा है। प्रदेश में निर्माण कार्य भी महंगा हो गया है। हाल ही में सीमेंट के दामों में 10 रूपए की बढ़ोतरी हुई और अब कुछ ही दिनों में 10 रूपए और बढ़ाए जा सकते है। सीमेंट कंपनियों रेट 10 रुपये और बढ़ाने के संकेत दिए हैं। शिमला शहर में सीमेंट की 50 किलो की बोरी 413 रुपये में मिल रही थी, जो अब 423 रुपये पहुँच गई है। इन बढ़ते दामों पर उद्योग विभाग के अधिकारीयों का कहना है कि सीमेंट के दाम प्रदेश सरकार निर्धारित नहीं करती करती है, क्योंकि सीमेंट पर कोई नियंत्रण नहीं है। सीमेंट कंट्रोल्ड आइटम में शामिल नहीं है। सीमेंट कंपनियां स्वयं सीमेंट के दाम तय करती हैं और फिर इसे खुले बाजार में बेचा जाता है। इसी तरह प्रदेश में पेट्रोल की कीमतों ने भी शतक पार कर लिया है। आलम यह है कि आधे हिमाचल में पेट्रोल के दाम 100 रुपये प्रति लीटर से ऊपर पहुंच गए हैं, जबकि बाकी हिस्से में 100 के करीब हैं। सूबे में पिछले दस महीने में पेट्रोल की कीमतों में 19 रुपये से ज्यादा का इजाफा हुआ है। जनवरी को शिमला में पेट्रोल की कीमत 81.77 रुपये, पावर पेट्रोल के दाम 85.34 रुपये थे। डीजल के दाम 73.65 रुपये थे। इससे पहले माहौल बने सत्ता पक्ष को सोचना होगा यूँ तो महंगाई लगातार बढ़ती आ रही है पर ध्यान देने योग्य बात ये है कि जो आम आदमी अब तक चुप दिख रहा था वो अब बोलने लगा है। इसमें कोई संशय नहीं कि केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा को बीते कुछ सालों में जनता का भरपूर समर्थन मिला है और आम आदमी ने महंगाई जैसे मुद्दों पर अन्य संवेदनशील मुद्दों को तरजीह दी है। पर अब इस बेलगाम महंगाई के बीच आम आदमी बोलने लगा है। इससे पहले कि आम आदमी की ये आवाज बुलंद हो और एक माहौल तैयार हो, सत्ता पक्ष को इस बाबत गंभीरता से सोचना होगा। आंकड़ों में गिरावट, धरातल स्थिति वैसी ही हालहीं में जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार ख़ुदरा मंहगाई में पिछले पांच माह में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज़ की गई है। सरकार का कहना है कि सितंबर महीने में मंहगाई की दर घटकर 4.35 फ़ीसदी रह गई। एक महीने पहले यानी अगस्त के महीने में ये 5.3 फ़ीसदी पर थी। सरकार का ये भी दावा है कि सितंबर में खाने-पीने के सामानों के दाम भी अगस्त के 3.11 प्रतिशत के मुक़ाबले 0.68 प्रतिशत गिरे है। पर आम जनता को सरकार के ये आकड़े सिर्फ आकड़े ही नज़र आ रहे है, बाज़ारों में इनकी सत्यता नज़र नहीं आती। बेहिसाब-बेलगाम मुनाफाखोरी भी है कारण बेकाबू महंगाई के पीछे एक तर्क ये दिया जा रहा है कि पिछले साल मानसून कमजोर रहा या पर्याप्त बारिश नहीं हुई, जिसके चलते खाद्य सामग्री के दाम बढ़े है। पर सवाल ये है कि क्या इसका असर सभी चीजों पर एकसाथ पड़ा है। कीमत इतनी ज्यादा होने के बावजूद बाजार में किसी भी आवश्यक वस्तु का अकाल-अभाव दिखाई नहीं पड़ता, पर जब आपूर्ति कम होती है तो बाजार में चीजें दिखाई नहीं पड़ती हैं और उनकी कालाबाजारी शुरू हो जाती है। मूल सवाल ये है कि क्या बेहिसाब-बेलगाम मुनाफाखोरी ही तो बेकाबू महंगाई का कारण नहीं है। मसलन जो सब्जी किसान बाजार में 10 रुपये किलोग्राम की दर से बेचता है उसकी कीमत आम आदमी तक पहुँचते-पहुँचते 40 -50 रुपये हो जाती है। सरकार को बाजार पर योजनाबद्ध तरीके से अंकुश लगाना चाहिए। उत्पादन लागत के आधार पर चीजों के विक्रय दाम तय होने चाहिए। सवाल ये भी है कि जब सरकार कृषि उपज के समर्थन मूल्य तय कर सकती है तो वह बाजार में बिकने वाली चीजों की अधिकतम कीमत क्यों नहीं तय कर सकती?
धर्मशाला। तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने सोमवार को केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को पत्र लिखकर राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन के कारण जान-माल के दुखद नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, 'मैं आपको, अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों और तबाही से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं समझता हूं कि राज्य सरकार और संबंधित प्राधिकरण जरूरतमंद लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं और राहत के प्रयास अच्छी तरह से चल रहे हैं। दलाईलामा ने सहानुभूति प्रकट करते हुए कहा, 'मैं दलाई लामा ट्रस्ट की ओर से बचाव और राहत प्रयासों के लिए दान देना चाहता हूं।' बता दें कि भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ समेत भारी बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 22 हो गई थी। शनिवार को भारी बारिश के बाद कोट्टायम और इडुक्की जिलों के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण यह दुर्घटनाएं हुई हैं। केरल में इडुक्की डैम के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहां लोगों के घर देखते ही देखते भारी बारिश के बहाव में डूब रहे हैं।केरल में लगातार हो रही बारिश ने लोगों के जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मुश्किल की इस घड़ी में केरल सरकार लगातार गृह मंत्रालय के संपर्क मै है। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने केरल को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया था। इसके अलावा NDRF ने राज्यों में बचाव कार्यों के लिए 11 टीमों को तैनात किया है, जबकि भारतीय नौसेना और वायु सेना की टीम को भी राहत और बचाव कार्यों के लिए तैनात किया गया है।
कश्मीर में आतंकियों के साथ एनकाउंटर जारी है। इस बीच कश्मीर में एक और हाई अलर्ट जारी किया गया है। इस अलर्ट में बताया गया है कि 'हरकत 313' नाम के एक आतंकी संगठन को घाटी में अशांति फैलाने का जिम्मा दिया गया है। बता दें कि जम्मू कश्मीर में पिछले 13 दिनों से जवानों और आतंकियों के बीच एनकाउंटर जारी है। वहीं, आतंकियों की ओर से अलग-अलग घटनाओं में 11 नागरिकों की मौत हो चुकी है जबकि सेना के 2 जूनियर कमीशंड ऑफिसरों समेत कुल 9 जवान शहीद हो गए हैं। वहीं जवानों की जवाबी कार्रवाई में कितने आतंकी मारे गए हैं, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है। जवानों की ओर से लगातार कोशिश की जा रही है कि जल्द से जल्द आतंकियों को मारकर ऑपरेशन को खत्म किया जाए। जवानों की ओर से अतंकियों के खात्मे के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं आतंकी न सिर्फ सेना और पुलिस के जवानों को निशाना बना रहे हैं बल्कि सॉफ्ट टारगेट के तहत नागरिकों की भी हत्या कर रहे हैं।
चन्नी सरकार से नाराज चल रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी साधने में जुट गए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के नाम चिट्ठी जारी करने के बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक हरीश चौधरी की मध्यस्थता में चन्नी और सिद्धू के बीच रविवार को देर रात बैठक हुई। जिसमें दोनों के बीच हरीश चौधरी ने गिले शिकवे दूर करवाए। चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में दोनों ने साथ डिनर भी किया। रात 8:10 बजे शुरू हुई बैठक में भी सिद्धू के तेवर नरम नहीं पड़े। उन्होंने कहा कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के लिए इन मुद्दों का सुलझना बेहद जरूरी है। उन्होंने सीमा सुरक्षा बल का कार्यक्षेत्र बढ़ाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि हमें पंजाब के हर गंभीर मुद्दों को हल करना है। इन मुद्दों पर यदि काम नहीं किया गया तो चुनाव की राह आसान नहीं होगी। दोनों के बीच हुई बैठक में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का रुख सकारात्मक रहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि समय कम है लेकिन सरकार सभी मुद्दों पर काम कर रही है। दोनों के बीच बैठक देर रात तक जारी रही, इसलिए चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास में ही डिनर का इंतजाम किया गया था।
जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले में बिहारी मजदूर की मौत के बाद से सियासत गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने जहां इस घटना के लिए नीतीश सरकार को दोषी ठहराया है तो वहीं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कश्मीर से आतंक के खात्मा के लिए पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से एक अलग ही मांग रख दी है। जीतन राम मांझी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि कश्मीर में लगातार हमारे निहत्थे बिहारी भाईयों की हत्या की जा रहीं है जिससे मन व्यथित है। अगर हालात में बदलाव नहीं हो पा रहें तो प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह है कि कश्मीर को सुधारने की जिम्मेदारी हम बिहारियों पर छोड़ दीजिए, 15 दिनों में सुधार नहीं दिया तो कहिएगा। बता दें कि जम्मू-कश्मीर में अपने साथी के मारे जाने से बौखलाए आतंकी एक के बाद एक गैर-कश्मीरियों को निशाना बनाते जा रहे हैं। रविवार को दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने बिहार के रहने वाले दो मजदूरों की हत्या कर दी। मृतकों की पहचान बिहार के निवासी राजा और जोगिंदर के रूप में हुई है। इससे पहले शनिवार को भी आतंकियों ने पुलवामा और श्रीनगर में दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। श्रीनगर में बिहार के रहने वाले अरविंद कुमार को निशाना बनाया गया था। वहीं, पुलवामा में यूपी निवासी सगीर अहमद की हत्या की गई थी।
जम्मू-कश्मीर में प्रवासी मजदूरों को आतंकियों द्वारा निशाना बनाए जाने के बाद डर का माहौल है। दूसरे प्रदेशों से वहां काम करने पहुंचे लोग अब पलायन को मजबूर दिख रहे हैं। रविवार को बिहार के दो प्रवासी मजदूरों की कश्मीर में हत्या के बाद रेलवे स्टेशनों का नजारा बदल गया है। जम्मू रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में प्रवासी मजदूरों की भीड़ देखने को मिली, जो अपने घर लौटना चाहती है।
हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच दूसरे दिन सोमवार को बारिश और बर्फबारी हो रही है। हिमाचल के आठ जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल स्पीति में सोमवार को भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और चंबा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। बर्फबारी के चलते पर्यटकों को संवेदनशील इलाकों में न जाने की हिदायत दी गई है। कुल्लू और लाहौल घाटी में बारिश व बर्फबारी का दौर जारी है। बर्फबारी के चलते मनाली-लेह मार्ग के साथ कुंजुम दर्रा होकर गुजरने वाला मनाली-ग्रांफू-काजा राष्ट्रीय राजमार्ग-505 यातायात के लिए बंद हो गया है। 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा में 30 सेंटीमीटर, कोकसर में पांच सेंटीमीटर, कुंजुम दर्रा में 30 सेंटीमीटर तथा बारालाचा में 40 सेंमी ताजा बर्फबारी हुई है। जबकि कुल्लू व लाहौल के निचले क्षेत्रों में सुबह से बारिश हो रही है। मौसम में आए बदलाव से कुल्लू व लाहौल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
हिमाचल प्रदेश में गेहूं बीज के दाम के बाद अब पशुचारे के बीज की कीमतें भी बढ़ गई हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार बरसीम का बीज 40 रुपये महंगा मिल रहा है। जौई का बीज दो रुपये महंगा मिल रहा है। सरकार स्वरोजगार से जोड़कर पशुपालन व्यवसाय को बढ़ावा देने की बात कर रही है, लेकिन महंगाई के कारण किसानों के लिए पशुपालन व्यवसाय घाटे का सौदा साबित होने लगा है। इस वर्ष जौई के बीज की कीमत 51 रुपये किलो है। इस पर 19 रुपये अनुदान दिया जा रहा है। किसानों को कृषि विक्रय केंद्रों पर 32 रुपये किलो जौई का बीज उपलब्ध करवाया जा रहा है। जौई की खरीद पर अनुदान राशि भी साढ़े आठ रुपये कम हुई है। इस वर्ष बरसीम के बीज की कीमत 170 रुपये किलो है। इस पर 58 रुपये अनुदान दिया जा रहा है। किसानों को बरसीम का बीज 112 रुपये प्रति किलो के हिसाब से कृषि विक्रय केंद्रों पर उपलब्ध करवाया जा रहा है। पिछले वर्ष बरसीम का बीज 130 रुपये किलो था। इस पर 62 रुपये अनुदान दिया गया। किसानों को 68 रुपये किलो के हिसाब से बरसीम का बीज उपलब्ध करवाया गया था। बरसीम की कीमत 40 रुपये बढ़ी है, जबकि अनुदान राशि चार रुपये कम हुई है। सर्दियों के मौसम में खेतों में किसान जौई और बरसीम बीजते हैं। खेतों की मेढ़ों में घास कम उगता है, इसलिए किसान खेतों में बरसीम और जौई की बिजाई करते हैं। हमीरपुर जिले में कुल 76,140 किसान हैं। 35 हजार हेक्टेयर भूमि पर उत्पादन किया जाता है। इससे पूर्व गेहूं की कीमत में भी दो रुपये बढ़ोतरी हुई है। दो रुपये अनुदान भी कम कर दिया गया है।
राजधानी में आज से प्रदूषण के खिलाफ दिल्ली सरकार का रेड लाइट ऑन गाड़ी ऑफ अभियान शुरू होगा। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने रविवार को कहा कि ऑड-ईवन अंतिम हथियार है। अभी सरकार का ध्यान दिल्ली के अंदर प्रदूषण को कम करने के जितने वैकल्पिक माध्यम हो सकते हैं, उन सब पर सरकार काम कर रही है। इसके बाद विशेषज्ञों से राय लेकर निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों में पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा में तेजी से पराली जलाने की घटनाएं बढ़ी हैं। इसकी वजह से दिल्ली का एक्यूआई स्तर 284 पर पहुंच गया है। नासा के मुताबिक, 13 अक्टूबर को पराली जलने की संख्या कम थी, जिसकी वजह से उस दिन एक्यूआई का स्तर 171 था। उन्होंने कहा कि पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के अंदर पराली जलने की घटनाएं बढ़ती हैं तो दिल्ली का प्रदूषण का स्तर भी उसी अनुपात में बढ़ने लगता है। केंद्र सरकार ने पंजाब को लगभग 250 करोड़ रुपये पराली के समाधान के लिए दिए हैं। इससे 50 लाख एकड़ क्षेत्र में बायो डी कंपोजर का निशुल्क छिड़काव किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में धूल विरोधी अभियान के तहत करीब 70 फ़ीसदी लोग नियमों को पालन कर रहे हैं, बाकि के 30 फीसदी लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश में रविवार को बारिश और बर्फबारी हुई है। रोहतांग दर्रे में एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। बारालाचा, कुंजुम पास, मनाली, लाहौल-स्पीति, धौलाधार और चंबा की ऊंची चोटियों के अलावा मणिमहेश में ताजा हिमपात हुआ है। बर्फबारी के बाद दो दिन के लिए रोहतांग दर्रे में पर्यटकों के जाने पर रोक लगा दी है। हालांकि, अटल टनल से आवाजाही सुचारु रहेगी। लाहौल के सरचू में ऑक्सीजन की कमी से पर्यटक की मौत हो गई है जबकि कुंजुम दर्रे से सात पर्यटकों को रेस्क्यू किया गया।
केरल में भारी बारिश और बाढ़ के कहर से अब तक मरनेवालों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। इधर, केरल में बाढ़ प्रभावित जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है। राहत और बचाव कार्य सुचारू रुप से चल रहा है। बीची रात से ही रुक-रूक कर कई इलाकों में बारिश हो रही है। वक्की बांध 10 बजे खोला जा रहा है, जिसके बाद पटनमथीटा के निचले इलाकों में आज बाढ़ की संभावना है। इधर,एनडीआरएफ की विशेष टीम तैनात की गई है। पंबा नहीं पर बने कक्की बांध के गेट खोले जाएंगे। बांध से आने वाला पानी निचले इलाकों को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में प्रशासन की तरफ से पूरी तैयारी की गई है। गौरतलब है कि केरल के कई जिलों में हो रही जोरदार बारिश से जहां एक तरफ नदी नाले उफान पर हैं तो वहीं भूस्खलन ने समस्या और बढ़ा दी है। केरल में दो दिनों की बाढ़ बारिश ने दो दर्जन से ज्यादा जिंदगी लील ली है। रविवार रात तक केरल में 26 लोगों की जान चली गई है। कोट्टयम जिले में सबसे ज्यादा 13 लोगों की मौत हुई। इडुक्की में 9 और अलपुझा जिले में 4 लोगों की मौत हुई है।
सोमवार यानि आज सुबह गुजरात के सूरत से कडोडोरा में एक पैकेजिंग कंपनी में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस घटना में अब तक दो मजदूरों की मौत हुई है और कई लोग गंभीर रूप से घायल है। जबकि हाइड्रोलिक लिफ्ट द्वारा 125 से ज्यादा मजदूरों को बचा लिया गया है। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां अब भी मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार हादसा उस वक्त हुआ जब मजदूर पांचवीं मंजिल पर काम कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए कथित तौर पर इमारत से छलांग लगा दी जिसमें दो व्यक्तियो की मौत हो गई। बहरहाल बचाव और राहत का काम अभी भी जारी है।
केरल में बीते दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। बाढ़ और भूस्खलन की वजह से अबतक यहां 22 लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। इस दौरान केरल में बारिश से तबाही के संबंधित कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। अब एक वीडियो कोट्टायम के मुंडाकायम से सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि भारी बारिश की वजह से नदी का उफान बेहद तेज है। सड़क पर नदी किनारे एक पक्का मकान बना है। पानी के वेग के कारण ये पक्का मकान देखते ही देखते नदी में बह जाता है। केरल में बारिश प्रभावित विभिन्न इलाकों से 22 शव बरामद किए गए. इनमें कोट्टायम से 13 और इडुक्की से नौ शव बरामद हुए है। कोट्टयम जिले के कुट्टिकल में 40 वर्षीय व्यक्ति, उसकी 75 वर्षीय मां, 35 वर्षीय पत्नी और 14, 12 और 10 वर्ष की तीन बच्चियों सहित परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। परिवार का मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दक्षिणपूर्वी अरब सागर और उससे लगते केरल पर कल बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर हो गया है। इसके प्रभाव से केरल में दूर दराज के इलाके में भारी बारिश के आसार हैं, और इसके बाद ये कम हो जाएगी।
जम्मू-कश्मीर के पूंछ-मेंढर सेक्टर में आतंकियों से हुई मुठभेड़ में दो और सैनिकों वीरगति को प्राप्त हो गए हैं। सेना की जम्मू स्थित 'वाइट-नाइट' (16वीं) कोर ने 14 अक्टूबर को हुए एनकाउंटर के बाद से लापता जेसीओ और एक अन्य सैनिक के शव शनिवार को बरामद करने के बाद दोनों की मौत की घोषणा की। अब कुल मिलाकर इस ऑपरेशन में शहादत प्राप्त करने वाले सैनिकों की संख्या 9 हो गई है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक जिन दो सैनिकों की शहादत हुई है उनकी पहचान सूबेदार अजय सिंह और नायक हरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। दोनों ही सैनिक मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक 14 अक्टूबर की शाम को जिस आतंकियों के ग्रुप से मेंढर के नरकस जंगल में मुठभेड़ हुई थी, उसमें उत्तराखंड के ही दो अन्य सैनिक, विक्रम सिंह नेगी और योगंबर सिंह की मौत हो गई थी। इस मुठभेड़ के बाद से ही सूबेदार अजय सिंह और नायक हरेंद्र सिंह लापता थे और कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। शनिवार की शाम को दोनों के शवों को भी एक लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद घने जंगल से ढूंढ निकाला गया है। जानकारी के मुताबिक आतंकियों का ये दल पाकिस्तान से एलओसी पर घुसपैठ कर भारतीय सीमा में दाखिल हुआ है। आतंकियों को पाकिस्तानी सेना की स्पेशल फोर्स, एसएसजी यानि स्पेशल सर्विस ग्रुप जैसी ट्रैनिंग मिला हुई लगती है। ये आतंकी दल ठीक वैसा है जैसा कि पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम यानि बैट टीम होती है. पाकिस्तान की बैट टीम में एसएसजी कमांडो और आतंकी दोनों शामिल होते हैं।
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की NCB के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने काउंसलिंग की। इस दौरान आर्यन ने एनसीबी अधिकारियों को आश्वासन दिया कि वह गरीबों के कल्याण के लिए काम करेंगे और ऐसा कुछ भी नहीं करेंगे जिससे भविष्य में उनके नाम पर कलंक लगे। एनसीबी के जोनल निदेशक समीर वानखेड़े सहित अधिकारियों द्वारा परामर्श के दौरान, आर्यन ने कहा कि उनकी रिहाई के बाद वह गरीबों के सामाजिक और वित्तीय उत्थान के लिए काम करेंगे और कभी भी ऐसा कुछ नहीं करेंगे जो उन्हें गलत कारणों से प्रचारित कर सके। बता दें कि आर्यन खान इन दिनों ड्रग्स मामले में आर्थर रोड जेल में बंद हैं। उन्होंने 15 अक्टूबर को अपने माता-पिता से वीडियो कॉल पर बात की थी। आर्यन खान से मिलने उनके मम्मी-पापा जेल नहीं आए, बल्कि वीडियो पर अपने लाडले से बात की। जेल अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि शाहरुख खान और गौरी खान से आर्यन की बात कराई गई है। आर्यन ने करीब 10 मिनट तक अपने पैरेंट्स से बात की। पिछले साल कोरोना काल के दौरान ही जेल में वीडियो कॉल की व्यवस्था शुरू की गई, जिससे कैदी अपने घरवालों से बात कर सकें।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने की कीमतें इन दिनों 48,000 की भी नीचे फिसल गई हैं। MCX पर सोने की कीमतें 47,300 रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल पर हैं। वहीं, इस दौरान रत्न एवं आभूषणों के निर्यात में करीब 30 फीसदी का इजाफा देखने को मिला है। जेम एंड ज्वैलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ने शनिवार को इस बारे में जानकारी दी है. वहीं, एक साल पहले समान महीने में यह आंकड़ा 17,936.86 करोड़ रुपये रहा था। इसके अलावा सितंबर, 2019 में यह आंकड़ा 23,491.20 करोड़ रुपये पर था। GJEPC ने बयान में कहा कि चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीने अप्रैल-सितंबर में रत्न एवं आभूषणों का निर्यात इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 134.55 फीसदी बढ़कर 1,40,412.94 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
तेल कंपनियों ने एक बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा किया है। पेट्रोल और डीजल दोनों पेट्रोल 35 पैसे प्रति लीटर महंगे हुए हैं। पिछले कई दिनों से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा हो रहा है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के मुताबिक आज की बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 105.84 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। वहीं डीजल की कीमत अब 94.57 रुपये प्रति लीटर हो गई है। लगातार महंगे हो रहे पेट्रोल और डीजल का असर आम आदमी की जेब पर भी पड़ रहा है। परिवहन के साथ साथ डीजल महंगा होने से सब्जी और रोजमर्रा के इस्तेमाल के अन्य सामान भी महंगे हो रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले साल वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल के दामों में भारी गिरावट के बाद सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर शुल्कों और उपकर में भारी बढ़ोतरी की थी। इससे सरकार के राजस्व संग्रह में काफी वृद्धि हुई है। इस समय देश में पेट्रोल 100 रुपये के पार हो चुका है। वहीं कई राज्यों में डीजल भी शतक लगा चुका है।
दक्षिण के राज्य केरल में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। कई जगह लैंडस्लाइड्स के कारण हालात बेकाबू हो रहे हैं। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक कोट्टायम में 9 शव मिले हैं जबकि 4 अभी भी लापता है। केरल में आसमान से बरसी तबाही की बारिश ने कइयों को बेघर कर दिया है। अरब सागर में लो प्रेशर एरिया केरल तट पर पहुंच गया है, जिससे दक्षिण और मध्य केरल में भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण त्रिवेंद्रम, कोल्लम, पदनमटिट्टा, कोट्टायम, इदुकी में नदियां, कैनाल उफान पर हैं। केरल में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में रेड और ऑरेंज अलर्ट लगाया गया है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश होने की आशंका के मद्देनजर रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक पदनमटिट्टा, एर्नाकुलम, कोट्टायम, इदुक्की, त्रिसूर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। ये रेड अलर्ट अगले दो दिनों तक के लिए जारी किया गया है। वहीं कुछ इलाकों में बारीश को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। ये जिले हैं त्रिवंद्रम, कोल्लम, अलपुला, पालक्कड़, मलप्पुरम, कोलिकोड और वायनाड में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वंही बाढ़ के ऐसे भयावह हालात के बीच रविवार और सोमवार को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हालात ये हैं कि प्रदेश में रेस्क्यू और बचाव के लिए आर्मी और एनडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है। सेना की एक टुकड़ी कोट्टायम में तैनात है, वहीं एक और दूसरी टुकड़ी त्रिवेंद्रम में तैनात की गई है। एनडीआरएफ की 7 टीमें भी राहत-बचाव में लगाई गई हैं। एयर फोर्स को फिलहाल तैयार रहने को कहा गया है। Mi 17 और सारंग हेलीकॉप्टर स्टैंड बाई पर हैं।
जम्मू-कश्मीर में पुलवामा के पंपोर इलाके में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। आतंकियों और सुरक्षाबल के बीच जारी मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी उमर मुश्ताक खांडे भी शामिल है। इसकी पुष्टि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने की है। इन आतंकियों से सुरक्षाबलों ने हथियार और गोला-बारूद सहित आपत्तिजनक सामग्री बरामद किए हैं। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर उमर मुश्ताक खांडे अपने सहयोगी के साथ मारा गया। हालांकि, मारे गए अन्य आतंकवादी की पहचान अभी नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि आठ घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को मलबे से निकाला गया। बता दें कि लश्कर कमांडर उमर मुश्ताक खांडे ने श्रीनगर के बघाट में कश्मीर जोन पुलिस के दो सहयोगी एसजीसीटी मोहम्मद यूसुफ और सीटी सुहैल आह को शहीद कर दिया था, जब वे पंपोर के द्रंगबल में चाय पी रहे थे। आतंकवादियों के कई अन्य अपराध में यह सबसे ज्यादा ना माफ करने वाली घटना थी।
हिमाचल प्रदेश में आज से मौसम करवट बदलेगा। प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है, इससे आने वाले दिनों में ठंड में इजाफा होने की भी पूरी संभावना बन रही है। मौसम विभाग ने शनिवार से सोमवार तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज शनिवार को छह जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में आंधी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को लाहुल-स्पीति को छोड़ 11 जिलों में आंधी और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। तीन जिलों शिमला, सोलन व सिरमौर में आंधी चलने के साथ भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि आठ जिलों के लिए यलो अलर्ट रहेगा। इससे आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आएगी। शुक्रवार को दशहरे के दिन धूप खिली रही और इसके कारण करीब एक से दो डिग्री सेल्सियस तक तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। सुंदरनगर और सोलन का न्यूनतम तापमान शिमला से करीब दो से ढाई डिग्री तक कम दर्ज किया गया है। शिमला का अधिकतम तापमान 26 डिग्री के पार पहुंच गया है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 35.0 डिग्री दर्ज किया गया है। दो सड़कें कुल्लू में व एक मंडी में बाधित है। 144 ट्रांसफार्मर खराब होने से कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित है।


















































