उपायुक्त सोलन केसी चमन ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को निर्देश दिए हैं कि होम आईसोलेशन में रखे गए कोविड-19 पाॅजिटिव रोगियों को आरटीपीसीआर परीक्षण रिपोर्ट मिलने के 02 घण्टे के भीतर दवा की किट उपलब्ध करवाना सुनिश्चित बनाएं। केसी चमन आज सोलन जिला में होम आईसोलेशन में रखे गए कोविड-19 पाॅजिटिव रोगियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के सम्बन्ध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। केसी चमन ने कहा कि सम्बन्धित खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को कोविड-19 पाॅजिटिव रोगियों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त 15 मिनट के भीतर सम्बन्धित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सा अधिकारी को पहुंचानी सुनिश्चित बनानी होगी। उन्होंने कहा कि होम आईसोलेशन में रह रहे कोविड रोगियों के लिए दवा की किट प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर उपलब्ध होनी चाहिएं। यदि पाॅजिटिव रोगियों की सूची सांय 7.00 बजे के बाद प्राप्त होती है तो दवा की किट अगले दिन प्रातः पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि बहुमूल्य मानव जीवन को बचाने के लिए विभिन्न स्तरों पर समन्वय के साथ कार्य किया जाना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि इस कार्य के लिए सभी उपमण्डलों में ग्राम पंचायत स्तर तक टीमें गठित की जाएं। इन टीमों में सम्बन्धित ग्राम पंचायत प्रधान एवं उप प्रधान को भी सदस्य बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर के साथ-साथ सम्बन्धित उपमण्डलाधिकारी, सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी, सम्बन्धित खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य चिकित्सा कर्मी, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के कर्मियों और अन्य सम्बद्ध विभागों को पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करना होगा। सम्बन्धित उमण्डलाधिकारी अपने क्षेत्र की आवश्यकताआंे के अनुरूप ग्राम पंचायत स्तर तक टीमों का गठन करेंगे। यह टीमें होम आईसोलेशन में रह रहे पाॅजिटिव रोगियों की चिकित्सा सम्बन्धी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर रोगी वाहन उपलब्ध करवाना इत्यादि जैसी जरूरतों का ध्यान भी रखेंगी। केसी चमन ने कहा कि यदि होम आईसोलेशन में रह रहे सभी रोगियों को समय पर दवा किट उपलब्ध करवाई जाए तो रोग को गम्भीर होने से रोककर दुःखद मृत्यु को टाला जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों एवं स्थानीय शहरी निकायों में सामान्य सर्दी, जुखाम एवं बुखार के लक्षण युक्त रोगियों का समुचित उपचार सुनिश्चित बनाया जाए। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि आपात स्थिति में रोगी का प्रथम उपचार समीप के सामुदायिक अथवा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर सुनिश्चित बनाया जाए ताकि रोगी वाहन मिलने से पूर्व उसकी स्थिति स्थिर बनी रहे। उन्होंने कहा कि गत दिवस ही 25 आॅक्सीजन कन्सट्रेटर जिला के दूरदराज स्थित स्वास्थ्य केन्द्रों में पहुंचाएं गए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 प्रबन्धन के लिए जिला सहित उपमण्डल स्तर पर 24x7 काॅल सेंटर कार्यशील हैं। केसी चमन ने कहा कि कोविड-19 रोग के प्रबन्धन में किसी भी स्तर पर लापरवाही के विरूद्ध सम्बन्धित उपमण्डलाधिकारी आवश्यक कार्रवाई अमल में लाएं। उन्होंने मृत्यु की स्थिति में संवेदनशीलता के साथ सभी कार्य कोविड-19 प्रोटोकाॅल के अनुरूप सुनिश्चित बनाने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने कोविड-19 पाॅजिटिव रोगियों से आग्रह किया कि वे अपने मोबाइल फोन आॅन रखें और सही मोबाइल नम्बर की जानकारी प्रदान करें। मोबाइल फोन के माध्यम से ही उन्हें उपचार एवं सावधानियों सम्बन्धी जानकारी प्राप्त होती है। उन्होंने आग्रह किया कि कोविड-19 पाॅजिटिव रोगी आईसोलेशन में ही रहें और यहां-वहां न घूमें। केसी चमन ने कहा कि होम आईसोलेशन में रखे गए कोविड-19 रोगियों की त्वरित सहायता प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन का लक्ष्य है और इस सम्बन्ध में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि होम आईसोलेशन में रखे गए रोगियों को समय पर दवा इत्यादि न मिलने की जानकारी उन तक पहुंचाएं ताकि दोषी के विरूद्ध विधि सम्मत कार्यवाही अमल में लाई जा सके। अतिरिक्त अनुराग चन्द्र शर्मा ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। बैठक में सोलन जिला के सभी उपमण्डलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
सोलन जिला में कोविड-19 महामारी के संकट काल में विभिन्न शिकायतों के निपटारे के लिए टोल फ्री नम्बर 1077 स्थापित किया गया है। सभी उपमण्डलों में भी कोविड हेल्पलाइन नम्बर कार्य कर रहे हैं। यह जानकारी आज यहां उपायुक्त सोलन केसी चमन ने दी। केसी चमन ने कहा कि जिला मुख्यालय पर कोविड-19 सम्बन्धित समस्या एवं जानकारी के लिए जिला आपात संचालन केन्द्र (डीईओसी) में टोल फ्री नम्बर 1077 पर किसी भी समय बात की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जिला आपदा संचालन केन्द्र में 01792-220049, 220882 तथा 221234 दूरभाष नम्बर क्रियाशील हैं। उन्होंने कहा कि सोलन उपमण्डल में कोविड हेल्पलाइन के रूप में दूरभाष नम्बर 01792-297707 तथा 223707 एवं व्ह्टसऐप नम्बर 86278-84278 पर सम्पर्क किया जा सकता है। कण्डाघाट उपमण्डल में कोविड हेल्पलाइन के रूप में दूरभाष नम्बर 01792-256100 उपलब्ध है। कसौली उपमण्डल में कोविड हेल्पलाइन के रूप में 01792-272037, 284556 तथा 232053 कार्यरत हैं। उपायुक्त ने कहा कि अर्की उपमण्डल में कोविड हेल्पलाइन के रूप में दूरभाष नम्बर 01796-220666 तथा मोबाइल नम्बर 78765-77448 उपलब्ध है। नालागढ़ उपमण्डल में उपमण्डल में कोविड हेल्पलाइन पर दूरभाष नम्बर 01795-223024 पर सम्पर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय कोविड काॅल सेंटर में रोगी को दूरभाष पर सहायता प्रदान के लिए चिकित्सक भी उपलब्ध रहेंगे।
विश्व हिंदू परिषद चंडीगढ़ ने 21 मई को दैनिक भास्कर चंडीगढ़ में श्री राम हनुमान की फोटो पर भाजपा नेताओं के छपे चेहरे का सख्त विरोध किया है। परिषद के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा एवं मंत्री सुरेश राणा ने संयुक्त ब्यान जारी करते हुए कहा कि दैनिक भास्कर चंडीगढ़ में छपा एक वक्तव्य श्री राम हनुमान की फोटो पर भाजपा नेताओं के चेहरे यह बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । उन्होंने कहा कि समाज में कुछ लोग ऐसे हैं जो नेताओं को कभी मां दुर्गा का रूप दिखा देते हैं, तो कभी शिव का। यह सरासर हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने इस पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि विश्व हिंदू परिषद चंडीगढ़ इसकी घोर निंदा करता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस पर के क्रियाकलाप करके अपनी राजनीती को चमकाने का प्रयास न करें, अन्यथा संगठन ऐसे लोगों के खिलाफ जो भी उचित कानूनी कार्रवाई होगी उसे करवाने के लिए वचनबद्ध है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दाड़लाघाट ने कुनिहार बीडीसी की अध्यक्षा सोमा कौंडल की अध्यक्षता में देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर परउन्हें याद किया। इस दौरान दाड़लाघाट में राजीव गांधी की तस्वीर रख कर पुष्प भेंट किए गए और और उनके बलिदान को याद किया गया, जिन्होंने देश के लिए अपने प्राणों तक को न्योछावर कर दिया था। जिन्हें मरणो उपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।आज देश का प्रत्येक व्यक्ति राजीव गांधी के विचारों से प्रभावित है। उन्होंने भारतवर्ष को 21वीं सदी का सपना दिखाया था। आज भारतवर्ष पूरी दुनिया में प्रौद्योगिकी,कंप्यूटर,टेलीकम्युनिकेशन और आधुनिकता के क्षेत्र में जो डंका बजा रहा है वह विचार राजीव गांधी ने ही हमारे देश के सामने लाया। जिससे भारत ने पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाई है।पंचायत राज को सुदृढ़ करने के लिए राजीव गांधी ने पंचायतों को अधिक शक्तियां दी थी जिस कारण आज ग्रामीण भारत का विकास हुआ है और भारतवर्ष के गांव विकसित हुए हैं। 18 वर्ष के नौजवानों को वोट देने का अधिकार भी राजीव गांधी ने दिया था। आज महान आत्मा को कांग्रेस के समस्त कार्यकर्ताओं ने नमन करके याद किया।इस मौके पर प्रवासी मजदूरों व बच्चों को फल व मास्क वितरित किए। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता लाला शंकर,मोहन सिंह ठाकुर,कमल कौंडल,प्रेम केशव,दीपक गजपति,पूर्व उपप्रधान दाड़लाघाट राजेश गुप्ता मौजूद रहे।
सोलन जिला में कोविड-19 महामारी के संकट काल में विभिन्न शिकायतों के निपटारे के लिए टोल फ्री नम्बर 1077 स्थापित किया गया है। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के नोडल अधिकारी अनुराग चन्द्र शर्मा ने दी। अनुराग चन्द्र शर्मा ने कहा कि यह टोल फ्री नम्बर 24ग7 कार्यरत है। जिला आपात संचालन केन्द्र (डीईओसी) में 1077 पर किसी भी समय कोविड-19 से सम्बन्धित समस्या के निवारण के लिए बात की जा सकती है। इस नम्बर पर कोविड-19 से सम्बन्धित विभिन्न जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि कोविड-19 महामारी के सम्बन्ध में शिकायत एवं समस्या निवारण के लिए 1077 पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
जिला दण्डाधिकारी सोलन केसी चमन ने जिला सोलन में लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत कार्यरत उचित मूल्य की दुकानों की समय सारिणी के सम्बन्ध में आदेश जारी किए हैं। यह आदेश प्रदेश के मुख्य सचिव एवं राज्य कार्यकारी समिति के अध्यक्ष द्वारा जारी आदेश के अनुरूप जारी किए गए हैं। इन आदेशों के अनुसार जिला सोलन में लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत कार्यरत उचित मूल्यों की दुकानें प्रातः 10.00 बजे से दोपहर 1.00 बजे एवं दिन में 2.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक खुली रहेंगी। दिन में 1.00 बजे से दोपहर 2.00 बजे तक भोजन अवकाश रहेगा। रविवार को इन दुकानों के खुलने का समय प्रातः 9.30 बजे से सांय 6.30 बजे तक होगा। प्रत्येक सोमवार को यह उचित मूल्य की दुकानें बन्द रहेंगी। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि जिला में कार्यरत सभी उचित मूल्य की दुकानों में कोविड-19 प्रोटोकाॅल के साथ-साथ खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा जारी मानक परिचालन प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित बनाना होगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक, सम्बन्धित उपमण्डलाधिकारी तथा पुलिस इन आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित बनाएंगे। दिनांक 6 मई, 2021, 9 मई, 2021 तथा 16 मई 2021 को जारी आदेशों के अनुरूप अन्य सभी प्रतिबन्ध एवं छूट यथावत रहेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने आज यहां कोविड-19 प्रोटोकाॅल का पालन करते हुए उपायुक्त कार्यालय में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आतंकवाद विरोधी दिवस पर शपथ दिलाई। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गाँधी की पुण्य तिथि को देशभर में आंतकवाद विरोधी दिवस के रूप में आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर सहायक आयुक्त भानु गुप्ता, जिला राजस्व अधिकारी केशव राम, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी राजकुमार, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे। उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव ने भी इस अवसर पर अपने कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों को आतंकवाद विरोधी दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि आतंकवाद के विरूद्ध लड़ाई में यह दिवस हम सभी को कर्तव्य पालन की सीख देता है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कोविड-19 पाॅजिटिव रोगियों से आग्रह किया है कि वे सकारात्मक सोच के साथ चिकित्सीय परामर्श का पालन करते हुए स्वस्थ रहने की ओर कदम बढ़ाएं। डाॅ. सैजल आज ‘आयुष घर द्वार’ कार्यक्रम के अन्तर्गत वर्चुअल माध्यम से सोलन जिला के कसौली निर्वाचन क्षेत्र में होम आईसोलेशन में रह रहे कोविड-19 पाॅजिटिव रोगियों के साथ संवाद कर रहे थे। डाॅ. सैजल ने कहा कि देश और प्रदेश सभी नागरिकों के सत्त सहयोग से ही कोरोना संकट का सामना कर सकता है। उन्होंने कहा कि यदि जन-जन नियम पालन करें और केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा जारी निर्देशों को अपनाएं तो कोरोना संक्रमण के प्रभाव को शीघ्र कम किया जा सकता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि घर पर कोविड-19 बचाव के लिए जारी नियमों का पालन करें और स्वस्थ होने के उपरान्त जब भी सार्वजनिक स्थान पर जाएं तो नाक से लेकर ठोडी तक को ढकते हुए मास्क पहनें, 02 व्यक्तियों के मध्य उचित सोशल डिस्टेन्स बनाकर रखें तथा बार-बार अपने हाथ साबुन या एल्कोहल युक्त सेनिटाइजर से धोते रहे। आयुष मंत्री ने कहा कि आयुर्वेद उत्तम स्वास्थ्य की कुंजी है और इसी सिद्धान्त के आधार पर आयुष घर द्वार कार्यक्रम आरम्भ किया गया है। उन्होंने आशा जताई कि आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के योग प्रशिक्षकों और आयुर्वेदिक चिकित्सकों के उचित परामर्श से होम आईसोलशन में रह रहे रोगी लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में आयुष घर-द्वार कार्यक्रम के तहत लगभग 950 वर्चुअल ग्रुप बनाए गए हैं और इनमें लगभग 17 हजार होम आईसोलेशन में रह रहे कोविड-19 पाॅजिटिव रोगियों को जोड़ा गया है। इन सभी के लिए यह कार्यक्रम संबल बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन 2 से 3 हजार कोरोना संक्रमित व्यक्ति वर्चुअल माध्यम से आयुष घर द्वार के माध्यम से प्राणायाम सत्र का लाभ उठा रहे हैं। योग व प्राणायाम श्वसन तंत्र को सुदृढ़ बनाता है जिससे कोरोना जैसे रोगों से शीघ्र मुक्ति मिलती है। उन्होंने आग्रह किया कि कोरोना संक्रमण की समाप्ति के उपरान्त भी योग एवं प्राणायाम का अभ्यास करते रहें। आयुष मंत्री ने कहा कि उनका प्रयास है कि वे समय अनुसार विभिन्न सत्रों में प्रदेश के अलग-अलग स्थानांे के कोविड-19 रोगियों से आयुष घर द्वार कार्यक्रम में जुड़ें और उचित फीडबैक के आधार पर विभिन्न सकारात्मक परिवर्तन किए जाएं। डाॅ. सैजल ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए सत्त प्रयासरत है। प्रदेश के सभी जिलों में आवश्यक दवाएं, आक्सीजन एवं अन्य उपकरण समुचित मात्रा में उपलब्ध हैं। प्रदेश सरकार कोविड-19 पाॅजिटिव रोगियों को राहत पहुंचाने एवं उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने के लिए सुविधायुक्त मेकशिफ्ट अस्पताल भी स्थापित कर रही है। आयुष घर द्वार कार्यक्रम के तहत कसौली निर्वाचन क्षेत्र के लगभग 100 प्रतिभागी आज के योग सत्र से जुड़े। इनमें से अनेक लाभार्थियों ने डाॅ. सैजल को आयुष घर द्वार कार्यक्रम से होने वाले लाभों के बारे में अवगत करवाया और कार्यक्रम आरम्भ करने के लिए आभार व्यक्त किया।
कोरोना वायरस के समय हिम्मत और सहजता के साथ कोविड सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए जीत हासिल की जा सकती है। कोरोना से लड़कर ही हम इससे ठीक हुआ जा सकता है । यह बात साबित की है ग्राम पंचायत नवगांव के समलोह के निवासी अमित कुमार गौतम ने। उन्होंने कोविड 19 के दौर में महामारी को मात देकर पूरे गांव को सेनिटाइज करके समाज के सभी नोजवानो को प्रोत्साहित किया पंचायत नवगांव के समलोह निवासी अमित कुमार ने बताया कि मैं खुद कोरोना संक्रमित हुआ,लेकिन हिम्मत नहीं हारी। इसी वजह से आज बीमारी से जीत गया। अमित ने बताया कि जब मैंने महसूस किया कि गांव को किसी ने भी सैनिटाइज नही किया तो मैंने यह जिम्मेदारी खुद संभाली ताकि लोंगों को इस महामारी से बचाया जा सके। दाड़लाघाट के साथ लगती पंचायत नवगांव के समलोह निवासी अमित कुमार गौतम के इस कार्य को सभी ग्रामीण लोगो ने प्रशंसा की।
जिला कांग्रेस सेवादल सोलन ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की 30वीं राजीव गांधी पर बखालग स्थित कोविड सेंटर देवनगर अर्की में उपचाराधीन मरीजों व सेंटर में कार्यरत कोरोना वॉरियर्स को फल वितरित किए। इस दौरान जिला कांग्रेस सेवादल ने सभी मरीजों के जल्दी स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना की। इसके उपरांत स्थानीय अस्तपाल अर्की में उपचाराधीन मरीजों व अस्तपाल में कार्यरत स्टाफ को भी फल वितरित किए गए। इस अवसर पर स्व राजीव गांधी द्वारा किए गए अभूतपूर्व कार्यों व नीतियों को याद किया गया।उनके द्वारा किए गए मुख्य कार्यों में सूचना एवं प्रौद्योगिकी क्रांति,18 वर्ष के युवाओं को वोट देने का अधिकार,पंचायती राज प्रणाली व महिलाओं की जमीनी स्तर से पंचायतों में सीटें आरक्षित करना,नवोदय विद्यालय पूरे देश मे खोलना,इंदिरा गांधी नेशनल ओपन विश्वविद्यालय खोलना व उद्योगों के विस्तार के लिए उदारीकरण नीतियों लागू करना विशेषरूप से शामिल जिनके क्रियान्वयन से आज भारतवर्ष विश्व मे अग्रणी देश में शामिल हुआ। अपने छोटे से कार्यकाल में स्व राजीव गांधी ने गरीबों,बेरोजगारों,महिलाओं के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।इस अवसर पर जिला कार्यकारी अध्यक्ष कांग्रेस सेवादल सुरेंद्र वर्मा,जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस सोलन अनिल गुप्ता,जिला महासचिव मनसा राम,जिला सोशल मीडिया सचिव सुमित शर्मा,नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता,युवा कांग्रेस महासचिव भीम सिंह ठाकुर,ब्लॉक महासचिव गौरव ठाकुर उपस्थित रहे।
उपायुक्त सोलन केसी चमन को गत सांय माईक्रोटेक फाउंडेशन की ओर से सोलन जिला के लिए 25 आॅक्सीजन कन्सट्रेटर भेंट किए। माईक्रोटेक इंटरनेशल प्राईवेट लिमिटिड कंपनी के चेयरमेन सुबोध गुप्ता की ओर से कंपनी के प्रतिनिधि ने उपायुक्त सोलन को यह कन्सट्रेटर प्रदान किए। उपायुक्त सोलन ने कोरोना महामारी संकट के समय में कोविड-19 पाॅजिटिव रोगियों के लिए आपात के समय अति आवश्यक ऑक्सीजन के लिए 25 आॅक्सीजन कन्सट्रेटर उपलब्ध करवाने के लिए माईक्रोटेक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संकट के इस समय में जिला सोलन में कार्यरत विभिन्न उद्योग प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन को यथोचित सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत के यह प्रयास सभी को इस दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। माईक्रोटेक फाउंडेशन के प्रतिनिधि ने अवगत करवाया कि माईक्रोटेक द्वारा प्रदेश को १०० ऑक्सीजन कन्स्ट्रेटर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी की जिला के नालागढ़ उपमण्डल की बद्दी स्थित इकाई द्वारा 15 जून से 30 जून, 2021 के मध्य ऑक्सीजन कन्सट्रेटर का उत्पादन आरम्भ कर दिया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि शीघ्र ही कोरोना महामारी संकट के दौरान जिला के बद्दी व परवाणू में एक-एक एम्बूलेंस भी उपलब्ध करवाई जाएगी। केसी चमन ने इस अवसर पर उद्योग जगत से आग्रह किया कि सभी कोविड-19 सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन द्वारा जारी किए गए निर्देशों का पालन करें और सभी को स्वस्थ रखने में सहयोग प्रदान करें।
राजीव गांधी की एकत्तीसवी पुण्यतिथि पर सोलन कांग्रेस के कार्यकत्ताओं ने कांग्रेस भवन सोलन में राजीव गांधी की फ़ोटो को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया पेनलिस्ट अमन सेठी ने कहा कि राजीव गांधी ने एक युवा भारत का सपना देखा था। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री को पत्र लिख कर जवाहर नवोदय विद्यालय में जो बच्चे कोरोना के कारण अनाथ हो गए हैं उन्हें मुफ्त शिक्षा का प्रवधान किया जाए इसी कड़ी में शुक्रवार को सोलन में एक बच्चे जिसने कोरोना की वजह से अपने पिता को खोया उसकी मेट्रिक तक कि मुफ़्त शिक्षा का बेड़ा उठाया। जिलाध्यक्ष शिवकुमार ठाकुर ,सोलन नगरनिगम की महापौर पूनम ग्रोवर ,उपमहापौर राजीव कौड़ा वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंदर सेठी,प्रदेश सचिव अरुण शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता कुशल जेठी महासचिव रोहित शर्मा, पार्षद उषा शर्मा,अभय शर्मा, कृष्ण ग्रोवर, पार्वती तंवर शहरी अध्यक्ष अंकुश सूद ,उमेश शर्मा मौजूद रहे।
खण्ड विकास अधिकारी कुनिहार केदारनाथ ने बुधवार को दूरदराज की पंचायतों, बेरल, मांगल व बागा करोग का दौरा किया। उन्होंने ग्राम पंचायत मांगल व बेरल में पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि होम आइसोलेट मरीज और उनके परिजन बाहर न घूमे यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ऐसे मरीजों से प्रतिदिन नियमित बात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली जाए और उन्हें मोटीवेट भी किया जाए। इस दौरान वह बागा में होम आइसोलेट हुए लोगों से भी मिले। उन्होंने कहा कि यदि किसी मरीज को घर में रहने में परेशानी हो तो उन्हें कोविड केयर सेंटर में भर्ती करवाया जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सालयों, कोविड केयर सेंटरों में सभी जरूरी उपकरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे कि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके। अनेक सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिकों द्वारा भी अपने स्तर से सहयोग किया जा रहा है,जोकि सराहनीय है। खण्ड विकास अधिकारी केदारनाथ ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। सभी नागरिकों से अपील है कि वे घरों में ही रहें और कोरोना कर्फ्यू का पालन करें। मास्क लगाएं,सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और समय-समय पर साबुन या सेनेटाइजर से हाथ धोते रहें। इसके साथ ही सभी वयस्क नागरिक अपनी बारी आने पर कोरोना वैक्सीन जरूर लगवाएं। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाना जरूरी है। इससे शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। इस अवसर पर पंचायत निरीक्षक कुनिहार रत्न नेगी, पंचायत प्रधान कंधर उर्मिला, उपप्रधान सीताराम, प्रधान बेरल ललिता, उपप्रधान अजित सिंह सेन, पंचायत सचिव कंधर, बागा मदन ठाकुर, सचिव बेरल वंदना गुप्ता, तकनीकी सहायक बलबीर, जीआरएस मनोहर लाल, पूर्व प्रधान बेरल श्यामलाल सहित सभी पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।
जिला दण्डाधिकारी सोलन केसी चमन ने माल रोड सोलन पर कफ्र्यू अवधि में ढील के दौरान प्रातः 8.00 बजे से प्रातः 11.00 बजे तक दोपहिया वाहनों की आवाजाही जारी रखने के सम्बन्ध में आदेश जारी किए हैं। यह आदेश 17 मई, 2021 को जारी प्रतिबन्ध में छूट के आधार पर जारी किए गए हैं। इन आदेशों के अनुसार माल रोड सोलन पर प्रातः 8.00 बजे से प्रातः 11.00 बजे तक कफ्र्यू में ढील की अवधि में दोपहिया वाहन रोजमर्रा की वस्तुएं इत्यादि खरीदने के लिए आ-जा सकेंगे। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि यदि इस अवधि में कोई दोपहिया वाहन माल रोड सोलन पर अकारण घूमता पाया गया तो पुलिस कर्मियों द्वारा उसका नियमानुसार चालान काटा जाएगा। इस अवधि में वाहनों से माल ढुलाई की अनुमति इस आधार पर प्रदान की गई है कि आमजन को कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। 17 मई, 2021 को इस सम्बन्ध में जारी आदेशांे की अन्य शर्तें पूर्ववत रहेंगी।
कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए प्रदेश के साथ-साथ सोलन जिला में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के व्यक्तियों द्वारा कोविन पोर्टल पर पंजीकरण की समय सारिणी में परिवर्तन किया गया है। यह जानकारी आज यहां उपायुक्त सोलन केसी चमन ने दी। केसी चमन ने कहा कि आमजन की सुविधा के लिए 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग के व्यक्तियों को कोविन पोर्टल पर अब टीकाकरण तिथि से 02 पूर्व दिन में 2.30 बजे से सांय 3.00 बजे तक पंजीकरण करवाना होगा। उन्होंने कहा कि 24 मई, 2021 के टीकाकरण के लिए यह पंजीकरण 22 मई, 27 मई, 2021 के टीकाकरण के लिए यह पंजीकरण 25 मई तथा 31 मई, 2021 के टीकाकरण के लिए यह पंजीकरण 29 मई 2021 को किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग के व्यक्तियों को कोविन पोर्टल https://selfregistration.cowin.gov.in पर 2.30 बजे से 3.00 बजे के मध्य टीकाकरण तिथि से 02 दिन पूर्व पंजीकरण करना होगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि को टीकाकरण के लिए मोबाइल फोन पर पंजीकरण उपरान्त प्राप्त एसएमएस एवं पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। केसी चमन ने कहा कि जो व्यक्ति कोविड-19 पाॅजिटिव पाए गए हैं का कोविड-19 से बचाव के लिए ठीक होने की तिथि से 03 माह उपरान्त टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीकाकरण की प्रथम खुराक के उपरान्त कोविड-19 पाॅजिटिव होने वाले रोगियों को दूसरी खुराक स्वस्थ होने के 03 माह उपरान्त ही दी जाएगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि पंजीकरण उपरान्त अपना टीकाकरण अवश्य करवाएं। जिला में 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग का टीकाकरण प्रत्येक सोमवार एवं बृहस्पतिवार को किया जा रहा है। 45 वर्ष से अधिक आयुवर्ग तथा सभी श्रेणियों के फ्रन्ट लाइन वर्कर का टीकाकरण सोमवार तथा बृहस्पतिवार के अतिरिक्त अन्य दिनों में किया जा रहा है। केसी चमन ने कहा कि जिला में आज 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के 1867 व्यक्तियों का कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण किया गया।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने कोविड-19 कफ्र्यू के दौरान सरकारी आदेशों की अवहेलना करने एवं अपने कर्तव्यों के निवर्हन में कोताही बरतने के दृष्टिगत जिला के नालागढ़ विकास खण्ड की ग्राम पंचायत मस्तानपुरा के प्रधान छोटू राम को प्रधान ग्राम पंचायत के पद से तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है। इस सम्बन्ध में जारी आदेशों के अनुसार उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ से उक्त ग्राम पंचायत के प्रधान के विरूद्ध कोविड-19 कफ्र्यू के दौरान सरकारी आदेशों की अवहेलना करने के सम्बन्ध में जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इस रिपोर्ट के अनुसार ग्राम पंचायत मस्तानपुरा के नम्बरदार दाता राम द्वारा कोविड-19 कफ्र्यू की अवहेलना करते हुए 13 मई, 2021 को नगर खेड़ा मंदिर मस्तानपुरा में भण्डारे का आयोजन किया गया। इस भण्डारे में ग्राम पंचायत मस्तानपुरा के प्रधान छोटू राम सहित लगभग 50-60 व्यक्ति उपस्थित थे। इस कार्यक्रम के आयोजन के उपरान्त ग्राम मस्तानपुरा में कोविड-19 एवं डायरिया के कई मामले पाए गए। इससे यह स्पष्ट होता है कि ग्राम पंचायत मस्तानपुरा के प्रधान ने अपने अधिकार क्षेत्र में एवं अपनी उपस्थिति में इस कार्यक्रम के आयोजन में सरकार द्वारा कोविड-19 की रोकथाम के लिए जारी आदेशों, महामारी एवं आपदा प्रबन्धन अधिनियम के तहत जिला प्रशासन द्वारा 23 अप्रैल 2021 तथा 06 मई, 2021 को जारी आदेशों की अवहेलना की है। तदोपरान्त उपण्डलाधिकारी नालागढ़ के आदेश से खण्ड विकास अधिकारी नालागढ़ द्वारा ग्राम पंचायत मस्तानपुरा के प्रधान को सुनवाई का पूर्ण अवसर प्रदान करते हुए अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। 19 मई 2021 को ग्राम पंचायत मस्तानपुरा के प्रधान से प्राप्त स्पष्टीकरण को संतोषजनक नहीं पाया गया क्योंकि उन्होंने अपने स्पष्टीकरण में उपरोक्त कार्यक्रम के आयोजन के बारे में अनभिज्ञता जाहिर की। जबकि उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ की मौका रिपोर्ट व स्थानीय निवासी धर्मचन्द, पुत्र दाता राम नम्बरदार के लिखित बयान में ग्राम पंचायत प्रधान के इस कार्यक्रम में उपस्थित होने की पुष्टि हुई है। आदेशों के अनुसार उपरोक्त तथ्यों के दृष्टिगत ग्राम पंचायत मस्तानपुरा के प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। 20 मई 2021 को इस नोटिस के सम्बन्ध में प्राप्त उत्तर को तथ्यों पर आधारित एवं संतोषजनक नहीं पाया गया। इससे स्पष्ट हुआ कि ग्राम पंचायत मस्तानपुरा के प्रधान द्वारा अपने कर्तव्यों के निवर्हन में कोताही बरती गई क्योंकि सोलन जिला में समस्त ग्राम पंचायत प्रधानों एवं प्रतिनिधियों को समय-समय पर सरकार के दिशा-निर्देशानुसार कार्य करने के आदेश दिए गए हैं तथा सभी ग्राम पंचायत प्रधान एवं अन्य सदस्य इसकी अनुपालना के लिए बाध्य हैं। आदेशांे में सूचित किया गया है कि उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ की 20 मई 2021 की रिपोर्ट के अनुसार 45 ऐसे व्यक्ति जो उक्त भण्डारे में सम्मिलत हुए थे, में से प्रारम्भिक स्वास्थ्य जांच के उपरान्त 03 व्यक्ति कोरोना पाॅजिटिव पाए गए। इससे यह प्रतीत होता है कि इस भण्डारा आयोजन के कारण गांवों में संक्रमण फैला और इस कारण समस्त गांव को कंटेनमंेट जोन घोषित करना पड़ा। उपायुक्त सोलन केसी चमन ने उपरोक्त के दृष्टिगत हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 145 (1)(ग) तथा हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (सामान्य) नियम 1997 के नियम 142 (1) में निहित प्रावधानों के अनुसार उपरोक्त प्रारम्भिक जांच में प्रथम दृष्टया महामारी आपदा प्रबन्धन अधिनियम के तहत जारी आदेशांे की अवहेलना करने व अपने कर्तव्यों की निवर्हन में कोताही बरतने के दृष्टिगत जिला सोलन के विकास खण्ड नालागढ़ की ग्राम पंचायत मस्तानपुरा के प्रधान छोटू राम को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए वन स्टाॅप सेंटर सहायता के लिए दूरभाष एवं मोबाइल नम्बर भी जारी
कोविड-19 महामारी के संकटकाल में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा एवं आपात स्थिति में परामर्श प्रदान करने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है। यह जानकारी आज यहां जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र तेगटा ने दी। सुरेन्द्र तेगटा ने कहा कि बच्चों को सहायता प्रदान करने के लिए जहां अखिल भारतीय स्तर पर 1098 नम्बर कार्यरत है वहीं जिला बाल संरक्षण इकाई सोलन द्वारा भी इस दिशा में सत्त कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं की सुविधा के लिए जिला में एक ओर जहां वन स्टाॅप सेंटर कार्यरत हैं वहीं ऐसी महिलाएं एवं बालिकाएं हेल्पलाइन नम्बर पर भी यह जानकारी दे सकती हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि सोलन जिला का वन स्टाॅप सेंटर क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के मुख्य चिकित्सा अधिकारी भवन के ब्लाॅक-बी में कार्यरत है। वन स्टाॅप सेंटर योजना का मुख्य उद्देश्य निजी और सार्वजनिक स्थल, परिवार, समुदाय तथा कार्यस्थल पर हिंसा से प्रभावित महिलाओं की सहायता एवं उन्हें समर्थन प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि वन स्टाॅप सेंटर में शारीरिक, यौन, भावनात्मक, मनोवैज्ञानिक तथा आर्थिक दुव्र्यवहार से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा, कानूनी, मनौवैज्ञानिक एवं परामर्श सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। सुरेन्द्र तेगटा ने कहा कि वन स्टाॅप सेंटर में ऐसी महिलाओं एवं बालिकाओं को 05 दिन के लिए अस्थाई आवास जैसी सुविधा भी प्रदान की जा रही है। यह सभी सुविधाएं 24x7 उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि गत 03 वर्षों में वन स्टाॅप सेंटर सोलन द्वारा 186 मामले सफलतापूर्वक निपटाए गए हैं। यहां 186 महिलाओं को अस्थाई आवास, 177 महिलाओं को मनोवैज्ञानिक एवं सामाजिक परामर्श, 91 महिलाओं को पुलिस सहायता, 28 महिलाओं को कानूनी सहायता तथा 25 महिलाओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि वन स्टाॅप सेंटर में पीड़ित महिला अथवा बालिका के पहुंचने पर सर्वप्रथम मामला दर्ज किया जाता है और पेशेवर परामर्शदाता के माध्यम से उनकी शिकायत का कारण जाना जाता है। उन्होंने कहा कि शिकायत के विश्लेषण एवं पीड़िता की इच्छा के अनुसार आवश्यक सेवाएं प्रदान की जाती हैं। यह प्रयास किया जाता है कि महिला अपने परिवार के साथ सुरक्षित रहें। ऐसा न होने की स्थिति में अथवा महिला की देखभाल सुनिश्चित न होने पर उन्हें नारी निकेतन शिमला अथवा अन्य सुरक्षित संस्थान में भेजा जाता है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि पीड़ित महिलाएं अथवा बालिकाएं वन स्टाॅप सेंटर सोलन में दूरभाष नम्बर 01792-220181, जिला कार्यक्रम अधिकारी के मोबाइल नम्बर 70186-04213 अथवा केन्द्र की संस्थापक नीलम मेहता से मोबाइल नम्बर 70189-28762 पर सम्पर्क कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की सहायता के लिए सोलन जिला में सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। बाल विकास परियोजना अधिकारी सोलन से उनके मोबाइल नम्बर 94186-09675, बाल विकास परियोजना अधिकारी कण्डाघाट से उनके मोबाइल नम्बर 98160-32650, बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर से उनके मोबाइल नम्बर 94180-21640, बाल विकास परियोजना अधिकारी अर्की एवं नालागढ़ से मोबाइल नम्बर 94183-92796 पर सम्पर्क किया जा सकता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस सम्बन्ध में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक बनाएं ताकि आवश्यकत पड़ने पर उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।
जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत बच्चों की स्थिति के अवलोकन के गठित उपमण्डल स्तरीय कार्यदल की बैठक आज यहां उपमण्डलाधिकारी अर्की विकास शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बाल आश्रम अर्की में कोविड-19 महामारी से बचाव एवं व्यवस्थाओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। विकास शुक्ला ने कहा कि कोविड-19 के इस संकटकाल में सभी को समन्वित होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने बाल आश्रम अर्की में बच्चों की सुरक्षा के लिए किए गए प्रबन्धों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि बाल आश्रम में कोविड-19 प्रोटोकाॅल के तहत व्यवस्थाएं बनाई रखी जाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों में संक्रमण के खतरे को रोकने के लिए सभी को जागरूक बनाया जाए। बैठक में अवगत करवाया गया कि बाल आश्रम अर्की में कार्यरत सभी कर्मियों का कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण किया जा चुका है। आश्रम में मास्क, सेनिटाइजर, आॅक्सीमीटर, पीपीई किट इत्यादि सामग्री उपलब्ध है। आश्रम में एक आईसोलेशन कक्ष स्थापित किया गया है। यह कक्ष उन बच्चों के लिए तैयार किया गया है जिनके माता-पिता की मृत्यु कोविड-19 के कारण हुई है। उपमण्डलाधिकारी ने आश्रम के प्रभारी को निर्देश दिए कि आश्रम में कोविड-19 महामारी के मद्देनजर बच्चों की सुरक्षा के पुख्ता प्रबन्ध किए जाएं। उन्होंने कहा कि आश्रम में किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश की अनुमति न दी जाए ताकि बच्चों को संक्रमित होने से बचाया जा सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस महामारी से बचाव के लिए आश्रम को सभी आवश्यक सुविधाएं एवं सामग्री प्रदान की जाएं। चिकित्सा अधिकारी एवं आश्रम में बच्चों तथा अन्य स्टाफ के स्वास्थ्य स्थिति की निरंतर समीक्षा करते रहें। इस अवसर पर बाल संरक्षण अधिकारी पदम देव शर्मा, सीडीपीओ विनोद गौतम, चिकित्सा अधिकारी डाॅ. शशि कोल ठाकुर, बाल आश्रम अर्की के अधीक्षक उपस्थित थे।
वैज्ञानिक प्रमाणों के दृष्टिगत अब प्रदेश के साथ-साथ सोलन जिला में भी कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए कोविड-19 टीकाकरण की दूसरी खुराक 12 से 16 सप्ताह के उपरान्त दी जाएगी। भारत सरकार द्वारा यह निर्णय वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर लिया गया है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने दी। डाॅ.उप्पल ने कहा कि कोविड-19 बचाव टीकाकरण के लिए 2 खुराक के मध्य 12 से 16 सप्ताह का अन्तराल केवल कोविशील्ड टीके के लिए रखा जाना है। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में कोविड वर्किग ग्रुप ऑफ एडमिन्सट्रेशन फाॅर कोविड-19 द्वारा संस्तुति की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि इस सम्बन्ध में कोविन प्लेटफाॅर्म जहां कोविड टीकाकरण के लिए पंजीकरण किया जा रहा है। वहां पर भी आवश्यक बदलाव कर दिए गए हैं। वर्तमान में जिला के विभिन्न टीकाकरण केन्द्रों पर टीका लगवाने वाले सभी व्यक्तियों को इस विषय में समुचित जानकारी प्रदान की जा रही है। उन्होंने 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों से आग्रह किया कि कोविड से बचाव क लिए प्रथम टीकाकरण के उपरान्त अब दूसरी खुराक के लिए 12 से 16 सप्ताह की अवधि के उपरान्त ही आएं। जिला में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग का टीकाकरण भी 17 मई से आरम्भ कर दिया गया है। इन सभी को भी दवा की दूसरी खुराक 12 से 16 सप्ताह के उपरान्त ही दी जाएगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि कोविड-19 टीकाकरण की पहली खुराक लेने के कम से कम 84 दिन के उपरान्त ही दूसरी खुराक लें। दूसरी खुराक की निर्धारित तिथि कोविन पोर्टल पर पंजीकृत मोबाईल नम्बर प्राप्त की जा सकती है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग के लाभार्थियों के लिए अगला टीकाकरण शिविर 20 मई को आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पंजीकरण गत दिवस किया जा चुका है। टीकाकरण केवल उन्हीं पात्र लाभार्थियों का किया जाएगा जो कोविन पोर्टल अथवा आरोग्य सेतु एप पर अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। डाॅ. उप्पल ने कहा कि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, फ्रंट लाईन वर्करों एवं 45 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के लाभार्थियों का टीकाकरण सोमवार व बृहस्पतिवार को नहीं किया जाएगा जबकि 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग के सभी लाभार्थियों का टीकाकरण केवल सोमवार व बृहस्पतिवार को ही होगा। उन्होंने कहा कि 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग एवं अन्य लाभार्थी श्रेणियों का टीकाकरण अन्य सभी दिनों पर किया जाएगा। इसके लिए जानकारी ऑनलाइन तथा मीडिया के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि निर्धारित दिवसों पर पात्रता अनुसार पंजीकरण के उपरान्त टीकाकरण अवश्य करवाएं।
प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 मई को विद्युत लाईन बदलने के दृष्टिगत 11 केवी शामती फीडर की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी बोर्ड के सहायक अभियन्ता दिनेश ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि इस कारण 21 मई, 2021 को टटूल, सैंज, कोटला, मंझोली तथा आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 09.30 बजे से सांय 06.00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस कारण कालाघाट, दौलांजी, नंदल, जाबली, क्यार तथा मोलों में प्रातः 09.30 बजे से प्रातः 10.00 बजे तक तथा सांय 05.30 बजे से सांय 06.00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की है।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए सब उपमंडल सुधार सभा दाड़लाघाट की महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में प्रधान जगदीश ठाकुर व महासचिव प्रेम केशव द्वारा ग्राम पंचायत दाड़ला, रौड़ी (धार) व बरायली के वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं से इस महामारी के दौरान होने वाली दिक्कतों का जायजा लिया गया। बैठक में कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण के बारे सभी ने चिंता व्यक्त की और इस श्रृंखला को तोड़ने के लिए सभी ने अपने विचार सांझा किए। बैठक में आमजन से अनुरोध किया गया कि इस खतरनाक दौर में भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने और आने से भी परहेज करें, तभी हर इंसान की सुरक्षा संभव होगी। वर्चुअल बैठक में गैस एजेंसी के प्रबंधक से आग्रह किया गया कि गैस की आपूर्ति पिछले लॉकडाउन के मुताबिक लोगों के घर द्वार जहां गाड़ी से उचित है, वह भी प्रावधान करें,ताकि लोगों को बाहर ना जाना पड़े। सभा प्रधान जगदीश ठाकुर व महासचिव प्रेम केशव ने लोगो से अपील करते हुए कहा है कि अर्की व प्रदेश में कोविड-19 के बढ़ते कदमो को देखते हुए सभी सरकार द्वारा जारी किए गए नियमो के तहत मास्क व डिस्टेंस नियम का पालन कर स्वस्थ रहे।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए समुदाय को जागरूक करने की अत्यंत आवश्यकता है। यह बात स्वास्थ्य कार्यकर्ता अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन दाड़लाघाट सीता नेगी, पंचायत सदस्य ग्राम पंचायत नवगांव राकेश कुमार चंदेल और कांन्ता देवी ने ग्राम पंचायत नवगांव के वार्ड संख्या दो और चार में घर-घर जाकर कोरोना वायरस के बचाव के दौरान सैनीटाइज करते हुए कही। ग्राम पंचायत नवगांव ने पहल करते हुए समुदाय के लोगों को मास्क पहनने, सामजिक दूरी के नियमो का पालन कोरोना के संक्रमण से बचाव करने के लिए आवश्यक है। पिछले कई दिनों से कोरोना के कई संक्रमित मरीज ग्राम पंचायत नवगांव में आये है,जिनका देखरेख स्वास्थ्य कार्यकर्ता,आशा कार्यकर्ता और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नवगांव के चिकित्सक के देखरेख और निगरानी में किया जा रहा है। इस दौरान सीता नेगी अपने टीम के सदस्यों के साथ घर-घर जाकर कोरोना के संक्रमण से बचाव हेतु प्रत्येक घर को सेनिटाइज किया और इसकी महत्ता पर बल दिया।
ग्राम पंचायत पारनु से संबंध रखने वाले, सोशल मिडिया पर मेडलिप्स द्वारा अपनी कला का जादू बिखेरने वाले राहुल शर्मा ने भी अर्की बखालग कोविड सेंटर में प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं तथा वहां के स्टाफ द्वारा दी जा रही सेवाओं की प्रशंसा की है। दरअसल कोरोना संक्रमित होने पर राहुल शर्मा को इलाज करवाने हेतु इस कोविड सेंटर में जाना पड़ा। राहुल शर्मा ने अपने अनुभव सांझा करते हुए बताया कि जब वह कोरोना संक्रमित हुए तो कुछ रोज घर पर ही आइसोलेट हुए लेकिन जब देखा कि उनका बुखार ठीक नहीं हो रहा है तो उन्होंने कोविड सेंटर जाने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि जैसे ही सेंटर में जाने को फोन पर बात हुई आधे घंटे बाद उनके पास कोविड सेंटर से रोगी वाहन पहुंच चुका था। कोविड सेंटर की व्यवस्ता देख कर राहुल काफी प्रभावित हुए। उन्होंने बताया की कोविड सेंटर में मरीज़ों का अचे ख्याल रखा जा रहा है। वहन समय-समय स्वास्थ्य कर्मचारी उनका हाल चल जानने आते है। इसके आलावा वहां पर मौजूद जो लोग कोरोना से जंग जीत चुके है वह भी केयर सेंटर में अपनी सेवाएं दे रहे है। साथ ही राहुल ने उन लोगों पर भी सख्त टिप्पणी की स्वस्थ्य व्यव्बस्था के खिलाफ झूटी अफवाएं फैलते है। उन्होंने ने कहाँ की यह वैश्विक महामारी है और इस संकट की घडी में हमे एक दूसरा का साथ देना चाहिए, न की राजनीती करनी चाहिए।
कोविड-19 महामारी के कारण वर्तमान में संकट का सामना कर रही मानवता को सम्बल प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन सोलन द्वारा विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। जहां एक और कोविड-19 पोजिटिव रोगियों को बेहतर उपचार एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं वहीं ऐसे रोगियों के बच्चों के उचित वातावरण में रहने की व्यवस्था भी की गई है। यह जानकारी आज यहां जिला बाल संरक्षण इकाई की प्रवक्ता ने दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने सोलन जिला के कोविड-19 संक्रमित अभिभावकों के बच्चों की देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित बनाई है। यह व्यवस्था ऐसे माता-पिता के लिए की गई है जो कोविड संक्रमण के कारण अस्पताल में उपचाराधीन हैं। विभाग द्वारा उन बच्चों के लिए भी व्यवस्था की गई है जिनके माता-पिता कोविड-19 संक्रमण के कारण असमय काल का ग्रास बन गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों की उचित देखभाल के लिए सोलन जिला के सुबाथु स्थित ‘शान्ति निकेतन चिल्ड्रन होम’ के साथ-साथ जिला के अर्की स्थित बाल आश्रम में पृथक व्यवस्था की गई है। यहां इन बच्चों की भोजन सहित अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने का उचित प्रबन्ध किया गया है। प्रवक्ता ने कहा कि जिला सोलन के ऐसे बच्चों को सुबाथु स्थित केन्द्र में भेजने के लिए दूरभाष नम्बर 01792-275450, 94183-21547, बाल आश्रम अर्की में भेजने के लिए मोबाईल नम्बर 98051-84656, बाल कल्याण समिति के मोबाईल नम्बर 70183-64230 तथा जिला बाल संरक्षण इकाई सोलन से दूरभाष नम्बर 01792-225388 अथवा मोबाईल नम्बर 82192-44094 पर सम्पर्क किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि संकट की इस घड़ी में ऐसे बच्चोें की उचित देखभाल के लिए यह जानकारी जन-जन तक पंहुचाएं ताकि महामारी के इस समय में आश्रय की राह तक रहे बच्चों को सहारा मिल सके और स्वस्थ वातावरण में उनकी उचित देखभाल की जा सके। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों की जानकारी उपरोक्त दूरभाष एवं मोबाईल नम्बरों पर प्रदान करें।
रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 मई, 2021 को विद्युत लाईन बदलने के दृष्टिगत 11 केवी शामती फीडर की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी बोर्ड के सहायक अभियन्ता दिनेश कुमार ने दी। उन्होंने कहा कि इस कारण 19 मई, 2021 को टटूल, सैंज कोटला, मंझोली तथा आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 09.30 बजे से सांय 05.30 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की है।
कोरोना महामारी के कारण 10 वीं कक्षा के सभी विद्यार्थियों को सरकार व शिक्षा विभाग द्वारा प्रमोट कर दिया गया है अब जमा एक के विभिन्न संकायों मे प्रवेश लेने हेतु विद्यार्थी राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में ऑनलाइन प्रवेश ले सकते हैं। विद्यालय प्रधानाचार्य बी एस ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि सेंशन 2020-21 के लिए विद्यालय द्वारा जारी ऑनलाइन लिंक https//forms.gle/FX7CkQMPAb6xWGjf7 पर जाकर विद्यार्थी अपना प्रवेश फॉर्म भर कर जमा एक कक्षा में 31 मई तक बिना विलम्ब शुल्क के प्रवेश ले सकते हैं। उन्होंने ने बताया कि इसकी अधिक जानकारी व अन्य कक्षाओं में भी प्रवेश हेतु जानकारी के लिए 9805762507 पर सम्पर्क करें।
जिला दण्डाधिकारी सोलन के.सी. चमन ने सोलन के माल रोड पर कर्फ्यू अवधि में ढील के समय प्रातः 08.00 बजे से प्रातः 11.00 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। यह निर्णय कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत लिया गया है। यह आदेश मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 एवं 117 तथा अन्य आवश्यक अधिनियमों के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए हैं। एम्बुलेंस, अग्नि शमन वाहन तथा कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए प्रयुक्त किए जा रहे वाहन इन आदेशों के दायरे से बाहर रहेंगे। यह आदेश 18 मई, 2021 से लागू होंगे। इसके साथ ही सोलन जिला में स्थापित एपीएमसी की सभी सब्जी मण्डियों को खुला रखने के आदेश जारी किए हैं। इस सम्बन्ध में 06 मई, 09 मई तथा 16 मई, 2021 को जारी आदेशों के अनुरूप सभी छूट तथा पाबन्दियां लागू रहेंगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।
हिमाचल प्रदेश में 18 वर्ष से लेकर 44 वर्ष के आयु वर्ग के लिए टीकाकरण अभियान का आगाज हो गया है । इस दौरान प्रदेश भर में टीकाकरण हेतु सभी युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इसी कड़ी में सिविल हॉस्पिटल कुनिहार में सोमवार को करीब 94 युवाओ को कोविड वेक्सिनेशन टिका लगाया गया। गौरतलब है प्रदेश सरकार द्वारा 17 मई 2021 से 18 से 44 वर्ष के लोगो के लिए वेक्सिनेशन का शुभारंभ किया गया है। जिसके लिए वेक्सिनेशन के लिए प्रदेश की पोर्टल साइट पर रेजिस्ट्रेधन की गई थी। कुनिहार सिविल हॉस्पिटल में इस अभियान में पंजीकृत युवाओ सहित अन्य लोगो को भी कोविड वेक्सिनेशन का पहला टिका लगाया गया। मिली जानकारी के अनुसार इस माह में पंजीकृत पहले टीकाकरण दिवस पर 18 से 44 वर्ष के आयु वर्ग के करीब 94 लोगो को कोविड वेक्सिनेशन टिका लगाया गया।
जिला प्रशासन सोलन को आज यहां ऑक्सीजन सिलेंडर में प्रयोग होने वाले 100 रेगुलेटर तथा 200 पल्स ऑक्सीमेटर भेंट किए गए। उपायुक्त सोलन के.सी. चमन को यह उपकरण प्रदान किए गए। ऑक्सीजन सिलेंडर में प्रयोग होने वाले 100 रेगुलेटर बिरला टेक्सटाईल मिल्स बद्दी की और से कम्पनी के कार्यकारी अध्यक्ष राजीव गुप्ता तथा उपाध्यक्ष आर.के.शर्मा द्वारा प्रदान किए गए। माईक्रोटेक के प्रबन्ध निदेशक सुबोध गुप्ता की और से 200 पल्स ऑक्सीमेटर प्रदान किए। उपायुक्त ने कोरोना महामारी के वर्तमान संकट काल में उपकरण प्रदान करने के लिए बिरला टेक्सटाईल मिल्स बद्दी तथा माईक्रोटेक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट से निपटने के लिए उपलब्ध करवाई जा रही प्रत्येक सामग्री बहुमूल्य मानवीय जीवन के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह चिकित्सा उपकरण संकट काल में रोगियों के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे। के.सी.चमन ने कहा कि जिला में कार्यरत उद्योग महामारी से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन को सहयोग प्रदान कर रहे हैं। काॅरपोरेट सोशल रिस्पोंसेबिलिटी के तहत भी सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने उद्योग जगत से आग्रह किया कि आपदा के वर्तमान समय में प्रशासन का सहयोग करते रहें। उन्होंने आग्रह किया कि उद्योगोें में सरकार एवं प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित बनाएं।
उपायुक्त सोलन के.सी. चमन ने आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा द्वारा गत दिवस नई दिल्ली से प्रदेश के सभी जिलों सहित सोलन जिला के अग्रिम पंक्ति के कोरोना योद्धाओं के लिए भेेजी गई सामग्री ग्रहण की। यह सामग्री केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने निजी प्रयासों से उपलब्ध करवाई है। प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया ने संकट के इस समय में कोरोना योद्धाओं के लिए आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए केन्द्रीय वित्त राज्य मन्त्री अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान संकट काल में जन-जन की सेवा हमारा कत्र्वय है और इस दिशा में भाजपा के सभी कार्यकर्ता केन्द्र एवं प्रदेश सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रहे हैं। के.सी. चमन ने इस अवसर पर सोलन जिला के कोरोना योद्धाओं के लिए आवश्यक चिकित्सा उपकरण एवं अन्य सामान उपलब्ध करवाने के लिए केन्द्रीय वित्त राज्य मन्त्री अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सोलन जिला को 5000 तीन प्लाई मास्क, 2000 गलव्स, 400 पीपीई किट, 100 फेस शील्ड, 100 एनआरएम (नाॅन रिब्रिदर मास्क), 50 पल्स ऑक्सीमेटर , 150 ऑक्सीजन मास्क तथा 300 एन-95 मास्क प्राप्त हुए हैं। जिला को सामग्री की द्वितीय किस्त भी शीघ्र ही प्राप्त हो जाएगी। के.सी.चमन ने कहा कि यह पूरी सामग्री विभिन्न स्थानों पर तैनात कोरोना वारियर्स को प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह प्रयास जहां कोरोना योद्धाओं का मनोबल बढ़ा रहा है वहीं जन-जन को केन्द्र एवं प्रदेश सरकार के सघन प्रयासों के साथ-साथ निजी स्तर भी सम्बल प्रदान कर रहा है। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमन्त्री जयराम ठाकुर इस आपात समय में स्वंय सभी स्तरों पर किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण कर उचित दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं तथा यह सुनिश्चित बना रहे हैं कि आपदा में पीड़ितों को सही राहत मिले। जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष वैद्य सहित भाजपा के भरत साहनी, नन्द राम कश्यप, धर्मेन्द्र ठाकुर, लक्ष्मी ठाकुर, पुलिस अधीक्षक सोलन अभिषेक यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कनिष्ठ वर्ग में कक्षा चौथी के लिए ऑनलाइन अंग्रेजी कविता वाचन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कक्षा चौथी के वर्ग 'अ' और 'ब' दोनों वर्गों के छात्रों ने हर्षोल्लास के साथ इस प्रतियोगिता में भाग लिया। सभी छात्रों ने कविता का सही उच्चारण करके, हाव -भाव के साथ सुंदर प्रस्तुतियाँ दीं। याचना शर्मा और रुचि शर्मा ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रवीणा झा ने ऑनलाइन प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की ऑनलाइन प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के टैलेंट को उभारती हैं। उन्होंने बच्चों को भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के परिणाम:- चौथी 'अ' प्रथम : अरयांश सिंह द्वितीय :-अनन्या योलमा, वियान रघुवंशी तृतीय :-अन्वी चौहान चौथी 'ब' प्रथम :- अनन्या ठाकुर द्वितीय :- आरव चंदेल, काव्या शर्मा तृतीय :- उधव सिंह
कई ऐतिहासिक फैसलों का गवाह रहा सोलन का दरबार हॉल आज उचित संरक्षण के लिए तरस रहा है। इसे विडम्बना ही कहेंगे कि जिस ईमारत में कभी बघाट रियासत का दरबार सजता था, वहां आज लोक निर्माण विभाग सोलन के अधीक्षण अभियंता का दफ्तर है। इसी दरबार हॉल में हिमाचल का नामकरण हुआ था और इसी दरबार हॉल में बघाटी राजा दुर्गा सिंह ने 28 रियासतों के राजाओं को राज -पाट छोड़ प्रजामण्डल में विलय होने के लिए मनाया था। बावजूद इसके किसी भी हुकूमत ने अब तक इसे हेरिटेज तक घोषित करने की जहमत नहीं उठाई। हालांकि वर्ष 2015 में बघाटी सामाजिक संस्था सोलन की मांग पर तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने दरबार हॉल को धरोहर संग्रहालय बनाने की घोषणा की थी। योजना थी कि इसे संग्रहालय के तौर पर विकसित किया जाएगा तथा बघाट व आसपास के क्षेत्रों की संस्कृति से संबंधित दुर्लभ वस्तुओं को इस हॉल में प्रदर्शित किया जाएगा। तब जिला भाषा एवं संस्कृति विभाग को योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। आदेशानुसार विभाग ने रिपोर्ट भी बनाई और सरकार को भेजी भी। किंतु इसके बाद इस संदर्भ में कुछ नहीं हुआ। दरबार हॉल को हेरिटेज घोषित करने की आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी ही नहीं हुई। आचार्य दिवाकर दत्त शर्मा ने सुझाया था नाम बघाट रियासत के राजा दुर्गा सिंह संविधान सभा के चेयरमैन थे और उन्हें प्रजामण्डल का प्रधान भी नियुक्त किया गया था। उनकी अध्यक्षता में 28 जनवरी 1948 को दरबार हॉल में हिमाचल प्रदेश के निर्माण हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इस बैठक में डॉ यशवंत सिंह परमार व स्वतंत्रता सैनानी पदमदेव की उपस्तिथि को लेकर भी तरह-तरह की कहनियां है। कहा जाता है कि डॉ परमार वर्तमान उत्तराखंड राज्य का जौनसर-बाबर क्षेत्र का कुछ हिस्सा भी हिमाचल प्रदेश में मिलाना चाहते थे, किन्तु राजा दुर्गा सिंह इससे सहमत नहीं थे। साथ ही डॉ परमार प्रदेश का नाम हिमालयन एस्टेट रखना चाहते थे जबकि राजा दुर्गा सिंह की पसंद का नाम हिमाचल प्रदेश था। ये नाम संस्कृत के विद्वान आचार्य दिवाकर दत्त शर्मा ने सुझाया था जो राजा दुर्गा सिंह को बेहद भाया। अंत में राजा दुर्गा सिंह की चली और नए गठित राज्य का नाम हिमाचल प्रदेश ही रखा गया। 28 रियासत के राजाओं ने जब एक स्वर में प्रांत का नाम हिमाचल प्रदेश रखने की आवाज बुलंद की तो डॉ. परमार ने भी इस पर हामी भर दी। एक प्रस्ताव पारित कर तत्कालीन गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल को मंजूरी के लिए भेजा गया। सरदार पटेल ने इस प्रस्ताव पर मुहर लगाकर हिमाचल का नाम घोषित किया। लचर व्यवस्था की बलि चढ़ रही राजसी शान-ओ-शौकत का गवाह रही इमारत मौजूदा समय में दरबार हॉल का इस्तेमाल लोक निर्माण विभाग कर रहा है। ऐतिहासिक दरबार हॉल में जर्जर दीवारें अपनी अनदेखी की कहानी बयां कर रही हैं। सोचने वाली बात तो ये है की जिलाभर के सरकारी भवनों को बनाने और रखरखाव करने वाले लोक निर्माण विभाग का कार्यालय इस जर्जर भवन में चल रहा है। दरबार हॉल को उचित पहचान दिलाना तो दूर इस स्थान का अस्तित्व तक खतरे में है। दरबार हॉल में राजशाही के दौर की तीन कुर्सियां आज भी मौजूद हैं। आज भी दरबारी द्वार पर की गई बेहद सुंदर नकाशी को देखा जा सकता है। आज भी ये दरबार हॉल अपनी खूबसूरती और अपने शानदार इतिहास का लोहा ना सिर्फ सोलन बल्कि समूचे प्रदेश में कायम करता है। पर विडम्बना ये हैं कि राजसी शान-ओ-शौकत का गवाह रही यह इमारत आज धीरे-धीरे लचर व्यवस्था की बलि चढ़ रही है।
कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए दूरदराज की ग्राम पंचायत बेरल में राशन डिपो, दुकानों, स्वास्थ्य केंद्र, गांव के प्रत्येक घरों में सैनिटाइजेशन किया गया। वही कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए लोगों से आग्रह किया कि बिना कार्य से गांव के बाहर ना जाए। पंचायत प्रधान ललिता देवी, उपप्रधान अजीत सिंह सेन सहित समस्त पंचायत सदस्यों ने लोगों को आश्वासन दिया कि किसी भी सहायता की आवश्यकता हो तो, तुरंत अवगत कराएं। इस दौरान अल्ट्राटेक कंपनी बागा ने अपनी तरफ से 10 लीटर सैनिटाइजर मुहैया करवाया व ग्राम पंचायत बैरल ने भी अपने खर्चे पर 10 लीटर सैनिटाइजर का प्रबंध किया। जबकि बीडीसी सदस्य बनिता चौहान ने भी 5 लीटर सेनेटाइजर व 50 मास्क भेंट किए।ग्राम पंचायत बैरल ने अल्ट्राटेक कंपनी व बीडीसी सदस्य बनिता चौहान का सेनिटाइजर के लिए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर बीडीसी सदस्य बनिता चौहान, बागा थाना के एसएचओ भूपेंद्र सिंह, बैरल की प्रधान ललिता देवी, उपप्रधान अजीत सिंह सेन, वार्ड सदस्य शकुन्तला देवी, इंदिरा देवी, विकास कपिल, जयंती देवी, नंदलाल मौजूद रहे।
भारत सरकार द्वारा कोविड टीकाकरण कार्यक्रम के लिए (कोविशील्ड के लिए) जारी संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार अब टीकाकरण की दूसरी खुराक 84 दिन पूर्ण होने के उपरान्त दी जाएगी। यह जानकारी आज यहां जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. मुक्ता रस्तोगी ने दी। डाॅ. मुक्ता रस्तोगी ने सभी से आग्रह किया कि कोविड-19 टीकाकरण की पहली खुराक लेने के कम से कम 84 दिन के उपरान्त ही दूसरी खुराक लें। उन्होंने कहा कि दूसरी खुराक की निर्धारित तिथि कोविन पोर्टल https://selfregistration.cowin.gov.in पर पंजीकृत मोबाईल नम्बर दर्ज कर प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर 84 दिन का कार्यक्रम 16 मई, 2021 को केन्द्र सरकार द्वारा सम्मिलित किया गया है तथा 84 दिन से पूर्व पोर्टल पर न तो द्वितीय खुराक की जानकारी सत्यापित की जाएगी और न ही अन्तिम प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा।
अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन प्राइवेट आईटीआई दाड़लाघाट ने वर्चुअल माध्यम से इस सप्ताह को मातृत्व सप्ताह के रूप में मनाया। इस दौरान समस्त प्रशिक्षुओं की माताओं को विशेष तौर पर कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया। इस मौके पर प्रशिक्षुओं ने अपनी माताओं के प्रति अपना प्रेम व उनके प्रति सम्मान को वर्चुअल तरीके से विभिन्न वीडियो,पोस्टर मेकिंग व पत्र लिखकर अपनी भावनाओं को प्रकट किया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने कहा कि संस्थान में वर्तमान समय में सात विभिन्न कोर्स करवाए जा रहे हैं, जिनमें लगभग 170 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इन सभी की कक्षाएं वर्चुअल ही लग रही है जिसके लिए कंपनी ने जो जस्ट रोजगार संस्था के साथ अनुबंध किया है, जिसके माध्यम से प्रशिक्षण को एक बेहतर तरीके से चलाया जा सके तथा नई-नई तकनीकों के माध्यम से इन विद्यार्थियों की पढ़ाई में रुचि को कायम रखा जाए। प्रशिक्षुओं ने भी बढ़-चढ़कर इस कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में उनकी माताओं ने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिस तरीके से कोरोना महामारी का दौर हमारे आसपास चला है,उसके लिए भी इन समस्त माताओं को उनके परिवार के सदस्यों को इन वर्चुअल मीटिंग के माध्यम से जागरूक भी किया गया, ताकि हम लोग मिलजुलकर अपने व अपने परिवार के सदस्यों का किस तरीके से बचाव कर सकते हैं तथा इस महामारी से लड़ सकते हैं, अतः हम लोग जब तक मिलकर इस बीमारी से नहीं लड़ेंगे यह खत्म नहीं होगी। संस्थान के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने यह बताया कि जो व्यक्ति 18 साल की उम्र का हो चुका है, वह पंजीकरण करवा ले तथा कोरोना का टीका जरूर लगवाएं। आपकी व आपके परिवार की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है और हम यही कामना करते हैं कि जल्दी से जल्दी इस बीमारी से हम लोग छुटकारा पाएं और जिंदगी को फिर से पुराने स्वरूप में लेकर कार्य करें। राजेश शर्मा ने सभी प्रशिक्षुओं व उनकी माताओं को मातृत्व दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी।
जिला दण्डाधिकारी सोलन के.सी. चमन ने सोलन जिला में कोरोना कर्फ्यू की अवधि को 17 मई, 2021 की प्रातः 06.00 बजे से 26 मई, 2021 की प्रातः 06.00 बजे तक बढ़ाने के सम्बन्ध में आदेश जारी किए हैं। यह आदेश प्रदेश के मुख्य सचिव एवं राज्य कार्यकारी समिति के अध्यक्ष द्वारा जारी आदेशों की अनुपालना में जारी किए गए हैं। इन आदेशों के अनुसार विवाह समारोह में केवल घर में अधिकतम 20 व्यक्तियों के सम्मिलित होने के आदेश की पूर्ण अनुपालना सुनिश्चित बनानी होगी। विवाह समारोह के लिए विवाह पैलेस, सामुदायिक हाॅल अथवा अन्य बाहरी स्थल का उपयोग नहीं किया जा सकेगा। विवाह समारोह में बाहर भोजन परोसने, डीजे अथवा बैंड का प्रयोग करने एवं बारात पर पूर्ण प्रतिबन्ध रहेगा। विवाह समारोह घर के भीतर ही आयोजित किए जा सकेंगे। आयोजक यह सुनिश्चित बनाएंगे कि समारोह में सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पूर्ण पालन हो। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। इन आदेशों के अनुसार हार्डवेयर की दुकानें मंगलवार तथा शुक्रवार को प्रातः 08.00 बजे से प्रातः 11.00 बजे तक खुली रहेंगी। आबकारी एवं कराधान विभाग को न्यूनतम कर्मियों के साथ कोविड-19 से सम्बन्धित सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य करने की अनुमति होगी। अन्य सभी प्रतिबन्ध एवं छूट 06 मई तथा 09 मई, 2021 को जारी आदेशों के अनुरूप यथावत रहेंगी। आदेशों की अवहेलना पर विधि सम्मत कार्रवाही अमल में लाई जाएगी।
महिला मंडल ग्याणा की प्रधान यशु ठाकुर की अध्यक्षता में गांव ग्याणा में घर घर जाकर सेनिटाइज किया गया। इस दौरान स्लोगनों व चित्रों के माध्यम से पोस्टर लगाकर लोगों को जागरूक किया गया। महिला मंडल ग्याणा की प्रधान यशु ठाकुर ने हर समय मास्क लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गांव ग्याणा के लोग जागरूक होने के साथ इस महामारी से भी दूर है, वही गांव गयाणा में कोई भी कोरोना का मामला सामने नही आया है फिर भी हम इस भय में ना रहकर गांव ग्याणा में साप्ताहिक सेनिटाइज करेंगे। इस दौरान महिला मंडल के सदस्यों द्वारा गांव के सभी ग्रामवासियों से आग्रह किया कि मास्क को सही तरीके से लगाए, हर थोड़ी देर बाद हाथों को साबुन से धोने तथा पर्याप्त सामाजिक दूरी बनाए रखने हेतु जागरूक भी किया। उन्होंने कहा कि अगर सभी सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करके अपने गांव व अपने परिवार को इस वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की रफ्तार से बचाया जा सकता है। इस अवसर पर महिला मंडल ग्याणा की प्रधान यशु ठाकुर, सोनिया, प्रभादेवी, मीरा, शीला, द्रोपती वर्मा सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दिनांक 13 मई २०२१ को कनिष्ठ वर्ग में कक्षा तीसरी के लिए ऑनलाइन 'हिंदी कविता वाचन' प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कक्षा तीसरी के वर्ग 'अ' और 'ब' दोनों वर्गों के छात्रों ने हर्षोल्लास के साथ इस प्रतियोगिता में भाग लिया। सभी छात्रों ने कविता का शुद्ध उच्चारण करके, हाव -भाव के साथ सुंदर प्रस्तुतियाँ दीं। शालू गोयल और सोनिका रानी ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या 'प्रवीणा झा' ने ऑनलाइन प्रतियोगिता के विषय में अपने विचार अभिभावकों और अध्यापकों के साथ सांझा किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए ऐसी ऑनलाइन प्रतियोगिताएँ होती रहेंगी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह एवं शब्दों का शुद्ध उच्चारण करने की खूब सराहना की और इसका श्रेय अध्यापकों और अभिभावकों को दिया। प्रतियोगिता के परिणाम:- तीसरी 'अ' प्रथम :-जेनिल शर्मा, रागा वत्स द्वितीय :-सीरत गुप्ता, प्रभव वर्मा तृतीय :-आरव जोशी, नित्या शेरेवाला तीसरी 'ब' प्रथम :- काव्या कौशल द्वितीय :- चेष्टा तृतीय :- अनुष्का
दाड़लाघाट : ग्राम पंचायत पारनु में आज कोरोना संक्रमण के चलते सैनिटाइजेशन करवाया गया। पंचायत प्रधान केशव राम ने कहा कि क्षेत्र में कोविड-19 के मामले बढ़ने की आशंका होने के कारन पंचायत ने पारनु के समस्त वार्डो को सैनिटाइज करवाया। पंचायत प्रधान केशव राम ने लोगों से कहा कि वे सभी सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करें और कोरोना से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग करें और थोड़ी-थोड़ी देर बाद साबुन से हाथ धोये जिससे कि लोगों में कोरोना वायरस की रफ्तार को कम किया जा सके। उन्होंने लोगों को हर समय मास्क पहनने, हाथों को साबुन से धोने तथा पर्याप्त समाजिक दूरी बनाए रखने हेतु जागरूक भी किया। इस अभियान में ग्राम पंचायत पारनु के प्रधान केशव राम, उप प्रधान खेमराज भोला, वार्ड सदस्य विजय महाजन, वंदना ठाकुर, रीटा, सोमा, विजय कुमार, रविन ठाकुर, खेमराज ने अपना सहयोग दिया।
दाड़लाघाट : बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते ग्राम पंचायत दानोघाट के युवक मंडल कराड़ाघाट के प्रधान विनय कुमार की अध्यक्षता में कराड़ाघाट सहित अन्य जगहों को सेनिटाइज किया गया। इस अवसर पर पंचायत वार्ड सदस्य नीम चंद विशेष तौर पर उपस्थित रहे। जानकारी देते हुए युवक मंडल के सचिव अनिल शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को सदस्यों द्वारा पूरे गांव को सेनीटाइज किया गया। उन्होंने बताया कि मंडल के सदस्यों ने कराडाघाट चौक सहित मंदिर, रास्तों व घर घर जाकर सेनीटाइज किया। साथ ही लोगों को कोरोना महामारी के बारे में भी जागरूक किया। इस मौके पर युवक मण्डल के सचिव अनिल शर्मा, मोहित शर्मा, विशाल शर्मा, तनुज शर्मा व संदीप शर्मा सहित युवा मंडल के अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ.राजीव सैजल ने सोलन से वर्चुअल माध्यम से आयुष विभाग द्वारा होम आईसोलेटिड कोविड-19 पाॅजिटिव रोगियों को योग के माध्यम से स्वस्थ रखने के लिए राज्य स्तरीय ‘आयुष घर-द्वार’ कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होंने कार्यक्रम से सम्बन्धित पुस्तिका का अनावरण भी किया। यह कार्यक्रम प्रदेश के आयुष विभाग एवं आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में योग भारती के प्रशिक्षक भी सेवाएं प्रदान करेंगे। आज के कार्यक्रम में प्रदेशभर से लगभग 80 होम आईसोलेटिड कोविड पाॅजिटिव रोगी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। डाॅ सैजल ने इस अवसर पर कहा कि आयुर्वेद मात्र एक चिकित्सा पद्धति ही नहीं अपितु स्वस्थ एवं निरोग रहने की जीवनशैली भी है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद जहां एक ओर स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य की रक्षा का साधन है वहीं रोगी को निरोग करने का स्थायी सूत्र है। योग आयुर्वेद पद्धति का आधार स्तम्भ है और योग के माध्यम से अनेक जटिल रोगों को भी ठीक किया जा सकता है। आयुष मंत्री ने कहा कि प्राणायाम जैसी आधारभूत यौगिक क्रियाएं व्यक्ति को कोरोना संक्रमण से उभरने में सहायता प्रदान करती हैं। योग रोगी को मानसिक रूप से सम्बल प्रदान करता है और उसे शारीरिक रूप से अधिक क्रियाशील कर स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने सभी कोविड पाॅजिटिव रोगियों से आग्रह किया कि बीमारी के क्षणों में अपना आत्मबल बनाए रखें। डाॅ.सैजल ने कहा कि कोविड-19 महामारी से उभरने में आधुनिक चिकित्सा पद्धति, आयुर्वेद एवं आयुष की अन्य शाखाएं पूर्ण समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होंने निरन्तर कार्य कर पीड़ित मानवता को सम्बल प्रदान करने के लिए चिकित्सकों, नर्सों, पैरामेडिकल कर्मियों तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण को निष्प्रभावी बनाने एवं कोविड पाॅजिटिव रोगियों एवं उनके परिजनों को सहायता पहुंचाने के लिए विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं तथा धार्मिक संस्थाएं भी सरकारी प्रयासों में सहायक बन रही हैं। उन्होंने आशा जताई कि ‘आयुष घर-द्वार’ कोविड पाॅजिटिव रोगियों के लिए राहत का सम्बल बनकर उभरेगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने इस अवसर पर होम आईसोलेटिड कोरोना पाॅजिटिव रोगियों के घर तक भोजन पहुंचाने के लिए आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के मोबाइल नम्बर भी जारी किए। आयुष विभाग के निदेशक डीके रतन ने कार्यक्रम का शुभारम्भ करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आयुष घरद्वार कार्यक्रम के माध्यम से लगभग 30 हजार कोविड पाॅजिटिव होम आईसोलेटिड रोगियों को सहायता प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य रोगी की चिंता को समाप्त कर उनके स्वस्थ होने की दर को बढ़ाना, उनके जीवन स्तर में सुधार लाना तथा कोविड-19 संक्रमण के उपरान्त उनके पुनर्वास की प्रक्रिया को बेहतर बनाना है। यह कार्यक्रम रोगियों के मानसिक, सामाजिक, आध्यात्मिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य में वृद्धि करेगा। कार्यक्रम में अवगत करवाया गया कि प्रत्येक रोगी तक पहुंचने के लिए जूम, व्हाट्सऐप तथा मीट जैसे सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर लगभग 1000 वर्चुअल समूह गठित किए जा रहे हैं। प्रत्येक समूह में 20 से 30 रोगी, एक आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी, पैरामेडिकल कर्मी, नोडल अधिकारी तथा आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक सम्मिलत रहेंगे। वर्चुअल सत्र में रोगियों को लाईव चैट, वीडियो लैक्चर एवं दृश्य-श्रव्य सामग्री के माध्यम से योग, प्राणायाम, ध्यान क्रिया, मानसिक स्वास्थ्य, आयुष सिद्धान्त एवं अन्य जानकारियां प्रदान की जाएंगी। वर्तमान में 20 हजार से अधिक रोगियों के 840 वर्चुअल समूह तैयार कर लिए गए हैं। इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग की अन्तरराष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षक सुश्री मीनाक्षी ने सभी को वर्चुअल माध्यम से यौगिक क्रियाओं का अभ्यास करवाया। योगभारती के राष्ट्रीय संयोजक श्रीनिवास मूर्ति एवं आर्ट एवं लिविंग की सुश्री कमलेश ने योग के माध्यम से निरोगी रहने के विषय पर सारगर्भित जानकारी प्रदान की। आयुष विभाग की संयुक्त निदेशक डाॅ. राखी सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी, प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, सोलन में अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग चन्द्र शर्मा एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
ग्राम पंचायत कुंहर में कोरोना महामारी से लोगों को निजात दिलवाने के लिए हर गांवों में लोगों को जागरूक करने और क्षेत्र को सैनिटाइज करने का काम किया जा रहा है। ग्राम पंचायत प्रधान निशा ठाकुर ने इस कड़ी में कुंहर व लड़ोग गांव में सैनिटाइज करवाने का कार्य शुरू कर दिया है। ग्राम पंचायत कुंहर के अंतर्गत चोरूंटू बाजार,उप-स्वास्थ्य केंद्र,पंचायत घर व आस पास के गांव को पंचायत प्रधान निशा ठाकुर ने सेनेटाइज करवाया है। वहीं बाजार में मौजूद सभी लोगो को कोरोना महामारी से बचने के लिए मास्क को पूरी तरह पहनने तथा उचित दूरी बनाये रखने के लिए भी जागरूक किया गया। पंचायत प्रधान निशा ठाकुर ने पंचायत के लोगों व सभी जन प्रतिनिधियों को कोरोना से बचने के लिए सरकार की ओर से दिए गए सुझावों को अमल करने और कोरोना कर्फ्यू के नियमों का पंचायत क्षेत्र में पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग जरूरी कार्य होने पर ही घर से बाहर निकले और जब भी घर से बाहर निकलें सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करे तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही वेक्सीन ड्राइव में सभी जरूर भाग ले। पंचायत सैनिटाइज करवाने के इस अभियान में निशा ठाकुर के साथ पंजाब नेशनल बैंक के कारोबार सहायक दलीप ठाकुर,विद्युत विभाग के कर्मचारी भूपेंद्र,वार्ड मेम्बर वरुणा शर्मा और सरहेच वार्ड की वार्ड सदस्य ने भाग लिया।प्रधान निशा ठाकुर द्वारा किए गए इस कार्य की क्षेत्र के लोग सराहना कर रहे हैं।
पुलिस थाना दाड़लाघाट में कोरोना नियमों का उल्लंघन करने पर दुनकानदार के खिलाफ हुआ मामला दर्ज । मिली जानकारी के मुताबिक दाड़लाघाट के अम्बुजा रोड़ पर स्तिथ एक दुकान जिसका आधा शटर खुला हुआ था,जैसे ही दुकान का पूरा शटर खोल कर देखा गया तो दुकान के अन्दर दुकान का मालिक पाया गया। यह दुकान करयाना व दैनिक भोग आदि वस्तुओ की दुकान थी। कर्फ्यू के समय पर दुकान खुली होने पर आईपीसी के तहत धारा 188 के अंतर्गत राकेश कुमार के विरुद्ध मामला दर्ज किया डीएसपी दाड़लाघाट प्रताप सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामला दर्ज करके आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
भारतीय सेना में सैनिक जनरल ड्यूटी, सैनिक लिपिक व स्टोर कीपर तकनीकी में भर्ती के लिए 30 मई, 2021 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी निदेशक भर्ती कर्नल शाल्व सनवाल ने दी। कर्नल सनवाल ने कहा कि यह लिखित परीक्षा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पोर्टमोर, शिमला में 30 मई को आयोजित की जानी थी। परीक्षा को वैश्विक महामारी कोविड-19 के दृष्टिगत लागू की गई पाबंदियों के कारण स्थगित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह लिखित परीक्षा सोलन, शिमला, सिरमौर तथा किन्नौर जिलों के उन उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जानी थी जिन्होंने 28 मार्च से 03 अप्रैल 2021 तक इंदिरा गांधी खेल मैदान ऊना में आयोजित भर्ती रैली में सभी शारीरिक मापदण्ड एवं मेडिकल परीक्षण उत्तीर्ण किए थे। लिखित परीक्षा की तिथि एवं जानकारी उचित समय पर उपलब्ध करवाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्युत लाईनें बदलने के कारण 11 केवी शामती फीडर की विद्युत आपूर्ति 15 मई, 2021 को बाधित रहेगी। यह जानकारी बोर्ड के सहायक अभियन्ता दिनेश ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत 15 मई, 2021 को टटूल, मंझोली, जाबली, क्यार, मोलों, घड़सी तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 09.30 बजे से सांय 5.30 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने कहा कि वैश्विक महामारी कोविड-19 पर नियंत्रण प्राप्त करने के लिए विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करना होगा ताकि कोरोना वायरस के प्रभाव को न्यून किया जा सके। केसी चमन आज सोलन जिला के नालागढ़ में उपमण्डल के अधिकारियों, स्वास्थ्य तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। केसी चमन ने कहा कि जिला प्रशासन सोलन वैश्विक महामारी कोविड-19 संकटकाल में हरसम्भव प्रयास कर रहा है ताकि बहुमूल्य मानव जीवन को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस दिशा में प्रशासन, चिकित्सकों, पैरामेडिकल कर्मियों, पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी संकट की इस स्थिति में पीड़ित मानवता को बाहर निकालने के लिए समन्वित प्रयास करें। उपायुक्त ने बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में सभी निजी अस्पतालों के संचालकों को निर्देश दिए कि कोविड-19 रोगी का प्राथमिकता से उपचार किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इस दिशा में कोई त्रुटि पाई जाती है तो नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार कोविड-19 रोगियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा निजी अस्पतालों में आवश्यकतानुसार बिस्तरों का अधिग्रहण किया गया है। इस दिशा में सभी का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने निजी क्षेत्र में कार्यरत अस्पतालों के संचालकों से आग्रह किया कि संकट के इस समय में सभी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि रोग के निदान में संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति में रोगी के परिजनों को वास्तविक स्थिति से अवगत करवाएं और आवश्यकता पड़ने पर समय पर रोगी को उचित सुविधा के लिए परामर्श दें। उन्होंने आशा जताई कि इस दिशा में सभी अपना कर्तव्य समझ कर कार्य करेंगे। इस अवसर पर उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ महेन्द्र पाल गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी नरेंद्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल, उप पुलिस अधीक्षक नालागढ़ विवेक तहसीलदार बद्दी मुकेश, उप निदेशक उद्योग संजय कंवर, मल्होत्रा अस्पताल के डाॅ. मुकेश मल्होत्रा, आकाश अस्पताल के डाॅ. भूपेश तथा महावीरा अस्पताल के डाॅ. गगन जैन सहित अन्य उपस्थित थे
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने कहा कि सोलन जिला में ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिला के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत विभिन्न संयंत्र समुचित मात्रा में ऑक्सीजन का उत्पादन करें। केसी चमन आज सोलन जिला के नालागढ़ उपमण्डल के बद्दी में ऑक्सीजन का उत्पादन कर रहे विभिन्न उद्योगों का निरीक्षण करने के उपरान्त उनके प्रबन्धन के साथ विचार-विमर्श कर रहे थे। केसी चमन ने कहा कि कोविड संक्रमण में बहुमूल्य मानवीय जीवन के लिए ऑक्सीजन आवश्यक घटक है और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के निर्देश पर सोलन जिला में ऑक्सीजन की आपूर्ति एवं उत्पादन का नियमित अनुश्रवण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोलन जिला से प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों को भी ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने इस अवसर पर बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में ऑक्सीजन का उत्पादन का कर रहे चारों उद्योगों के प्रबन्धन के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। उन्होंने सभी उद्योगों को निर्देश दिए कि वर्तमान संकट के दृष्टिगत ऑक्सीजन उत्पादन में कमी न आने दें और नियमानुसार ऑक्सीजन की आपूर्ति सुचारू रखें। उन्होंने ऑक्सीजन उत्पादन कर रहे विभिन्न उद्योगों को निर्देश दिए कि अपने-अपने संयंत्र में ऑक्सीजन निर्माण क्षमता बढ़ाएं ताकि आवश्यकता पड़ने पर मांग से अधिक आपूर्ति होती रहे। केसी चमन ने निर्देश दिए कि सभी औद्योगिक इकाईयां कोविड-19 दिशा-निर्देशों का पालन करें और शिफ्ट की ऐसी व्यवस्था बनाएं कि कामगारों एवं कर्मियों को सुविधा हो।
कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए जिला कांग्रेस सेवादल सोलन की वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सोलन जिला में चल रही गतिविधियों के लिए चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता सेवादल सोलन के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेन्द्र वर्मा ने की। उन्होंने बताया कि बैठक में सभी ब्लाकों से सुझाव व उपायों पर विचार विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि बैठक में सरकार से मांग की गई कि सीमेंट उद्योग व फार्मा उद्योग लगातार कार्य कर रहे हैं, इन उद्योगों से जुड़े हुए कर्मचारियों व परिवहन सभाओं में कार्यरत कर्मचारियों ट्रक ड्राइवरों व क्लीनरों को करोना वारियर घोषित किया जाए व 18 वर्ष से ऊपर सभी लोगों को प्राथमिकता के आधार पर वैक्सिनेशन करवाया जाए, क्योंकि आज इस महामारी में सबसे ज्यादा जोखिम भी इन्ही लोगों को लेना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि प्रदेश में स्थापित उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों, ट्रक चालकों, क्लीनरों व सहकारी सभा (परिवहन) में कार्यरत कर्मचारियों को कोविड-19 से सुरक्षा प्रदान करने के लिए तुरंत प्रभाव से वैक्सिनेशन करवाया जाए। इस अवसर पर वर्चुअल बैठक में जयप्रकाश ठाकुर, सुमित शर्मा, घनश्याम कंवर, नरदेव, हरबंस, मनशा राम, विद्यासागर, रमेश ठाकुर, मनमोहन आदि उपस्थित रहे।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने कहा कि कोविड-19 संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने के लिए सोलन जिला में प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार उचित प्रबन्ध किए गए हैं। उपायुक्त आज सोलन जिला के परवाणू में अंतरराज्यीय सीमा, परवाणू-कालका क्षेत्र की सीमा तथा नालागढ़ उपमण्डल के बरोटीवाला में हिमाचल-हरियाणा की सीमा का निरीक्षण करने के उपरान्त वहां तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विचार विमर्श कर रहे थे। उपायुक्त ने प्रदेश के सोलन जिला के सीमा क्षेत्रों में कोविड-19 संकट के दृष्टिगत स्थापित विभिन्न प्रणालियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। वैश्विक महामारी कोविड-19 के संकटकाल में प्रदेश की अन्य राज्यों के साथ स्थित सीमाओं पर आवश्यक दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन आवश्यक है। इसके लिए जरूरी है कि यहां तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी अपने उत्तरदायित्व का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निवर्हन करें। केसी चमन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के बाहर से आने वाले सभी वाहनों के नियम अनुसार आवश्यक दस्तावेजों का कोविड-19 मानक परिचालन प्रक्रिया के अनुरूप निरीक्षण सुनिश्चित बनाएं। वर्तमान में प्रदेश में प्रवेश के लिए कोविड-19 ई-पास होना आवश्यक है और इसके बिना किसी को भी राज्य की सीमा में प्रवेश न दिया जाए। उन्होंने कहा कि नियम पालन से ही कोविड संक्रमण को रोका जा सकता है। ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी उचित प्रकार से मास्क पहनें, हाथों में दस्ताने पहनकर रखें तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करें। उन्होंने सभी को निर्देश दिए कि कोविड-19 प्रोटोकाॅल के अनुसार अपने हाथ स्वच्छ रखें। उपायुक्त ने तदोपरान्त जिला के नालागढ़ उपमण्डल की बरोटीवाला सीमा पर भी निरीक्षण किया। उन्होंने बरोटीवाला में भी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए। केसी चमन ने परवाणू तथा बरोटीवाला सीमा पर प्रदेश के बाहर से आने वाले व्यक्तियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि कोविड-19 ई-पास प्राप्त होने से पहले अपनी यात्रा आरम्भ न करें और सभी निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित बनाएं। उपायुक्त ने बरोटीवाला सीमा पर उपस्थित सभी ऑटो संचालकों से आग्रह किया कि कोविड-19 के दृष्टिगत प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित मानक परिचालन प्रक्रिया तथा सोशल डिस्टेंस नियम का पालन करें और मास्क लगाकर रखें। उन्होंने ऑटो चालकों को आ रही समस्याओं की जानकारी भी प्राप्त की। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक परवाणू योगेश रोल्टा, पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।
दाड़लाघाट : कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के लिए ग्राम पंचायत मांगल में पंचायत प्रधान उर्मिला देवी की अध्यक्षता में सार्वजनिक स्थानों को सेनिटाइज किया गया। इन स्थानों में ग्राम पंचायत प्रांगण, पटवार घर मांगल, राजकीय केंद्र पाठशाला व वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांगल, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्र मांगल, दी बहुउद्देशीय सहकारी सभा राशन मांगल, पोस्ट ऑफिस कंधर, कनिष्ठ अभियंता राज्य विद्युत बोर्ड कार्यालय व फॉरेस्ट गार्ड कार्यालय कंधर तथा कंधर बाजार की पूरी मार्केट को सेनिटाइज़ किया गया। पंचायत उप प्रधान सीताराम ने लोगों से आग्रह किया कि लोग प्रशासन द्वारा दिए दिशा निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि मास्क का प्रयोग करें, बिना वजह घर से बाहर ना निकले।किसी प्रकार की सहायता हो तो पंचायत प्रतिनिधियों को 9805783933 व 8894527663 पर संपर्क करें। इस मौके पर देवी राम चौहान,चंपा देवी, निर्मला देवी, देवेंद्र कुमार, प्रेम लाल चौहान, आयुर्वेदिक डॉक्टर सुरेंद्र कुमार सहित अन्य पंचायत सदस्य मौजूद रहे।


















































