** स्वास्थ्य मंत्री ने किए 24 लाख की योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व हमें जन-जन के कल्याण के लिए एकाग्रचित्त होकर निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। डॉ. शांडिल आज सोलन विधानसभा क्षेत्र के कंडाघाट उप मंडल के गम्भेश्वर मंदिर प्रांगण में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर गम्भेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की और सभी के सुखद जीवन एवं बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। डॉ. शांडिल ने सभी को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिव और शक्ति ही संसार का मूल हैं और हमारी सनातन परंपरा इस विषय में वैज्ञानिकता के साथ विश्व का मार्गदर्शन करती है। उन्होंने कहा कि मानव जाति के साथ सम्पूर्ण सृष्टि का कल्याण ही धर्म का मूल है और हम सभी को धर्म के मर्म को जीवन में उतारना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस भी है। उन्होंने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि स्त्री समाज की धूरी है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि अपनी समृद्ध संस्कृति और परम्परा के अनुरूप महिलाओं का सदैव सम्मान करें और लड़कियों को जीवन में आगे बढ़ने के समुचित अवसर प्रदान करें। उन्होंने कहा कि गंभेश्वर मंदिर के सौंदर्यकरण का विस्तार किया जाएगा और क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से निखारा जाएगा। डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन के कल्याण को समर्पित है और सभी के सहयोग से आत्मनिर्भर हिमाचल की परिकल्पना को साकार किया जाएगा। मंत्री ने इस अवसर पर गम्भेश्वर मंदिर में लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को इनके उचित निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने इसे पूर्व शुलानी में 5.50 लाख रुपए की लागत सेे निर्मित सामुदायिक भवन तथा सामुदायिक भवन बोधन के समीप 5 लाख रुपए की लागत से निर्मित पक्के एंबुलेंस मार्ग का लोकार्पण किया। उन्होंने शूलानी माता मंदिर कोट की 1 लाख रुपए की लागत से निर्मित छत एवं सुरक्षा दीवार, हलडू नाला से काथली गांव तक 1 लाख रुपए की लागत से निर्मित एंबुलेंस मार्ग तथा 1 लाख रुपए की लागत से निर्मित पक्का मार्ग बोधन जनता को समर्पित किया। डॉ. शांडिल ने ग्राम पंचायत कोट में 4 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले बहुद्देशीय मैदान, ग्राम पंचायत कोट के गनरोड़ी में 2.50 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन की अधारशिला रखी। उन्होंने गरू में 3.50 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले की सामुदायिक भवन का शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर जोगेेंद्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खंड कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत कोट की प्रधान चम्पा देवी, नगर निगम सोलन के मनोनीत पार्षद रजत थापा, कांग्रेस पार्टी के अन्य पदाधिकारी, मंदिर समिति के प्रधान हेमेेंद्र चंदेल, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट सिद्धार्थ आचार्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल, खण्ड विकास अधिकारी कण्डाघाट नरेश शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा ग्रामीण उपस्थित थे।
** 20.3 करोड़ लगी द मॉल सोलन-ओच्छघाट-गौड़ा इकाई की बोली वित्त वर्ष 2024-25 के लिए सोलन जिला में शराब की 6 आबकारी इकाइयों के आवंंटन की नीलामी एवं निविदा प्रक्रिया आज संपन्न हुई। इस प्रक्रिया के तहत वित्त वर्ष 2024-25 के लिए सोलन जिला की सभी 6 शराब आबकारी इकाइयों का आवंंटन कुल 1,30,38,58,041 रुपये में हुआ। यह जानकारी आज यहां राज्य कर एवं आबकारी उपायुक्त देवकांत प्रकाश खाची ने दी। देवकांत प्रकाश खाची ने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 के लिए उक्त इकाईयों की बिक्री में आरक्षित मूल्य 1,23,93,79,974 की तुलना में 5.20 प्रतिशत अर्थात 6,44,78,067 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि आज संपन्न प्रक्रिया में सोलन जिला की 6 आबकारी इकाइयों की 144 आबकारी खुदरा दुकानों की नीलामी एवं निविदा प्रक्रिया संपन्न हुई। जानें किस इकाई की कितनी लगी बोली... देवकांत प्रकाश खाची ने कहा कि द मॉल सोलन-ओच्छघाट-गौड़ा इकाई के लिए अंतिम बोली 20,33,00,000 रुपये की रही। मैसर्ज राजेश कुमार एंड कंपनी को यह इकाई आवंटित हुई। चंबाघाट-कंडाघाट-चायल इकाई के लिए अंतिम बोली 15,96,36,530 रुपए की रही। मैसर्ज अरविंद भिक्टा को यह इकाई आवंंटित हुई। सोलन राष्ट्रीय राजमार्ग-बड़ोग-कुमारहट्टी इकाई के लिए अंतिम बोली 22,51,00,000 रुपए की रही। मैसर्ज राजेश कुमार एंड कंपनी को यह इकाई आवंंटित हुई। कसौली-सुबाथू-कुठाड़ इकाई के लिए अंतिम बोली 20,32,00,000 रुपए की रही। विनोद कुमार को यह इकाई आवंटित हुई। धर्मपुर-सनवारा-परवाणु इकाई के लिए अंतिम बोली 24,05,21,511 रुपए की रही। मैसर्ज केवी वाईन्स को इस इकाई का आवंटन हुआ। वहीं, अर्की-कुनिहार-दाड़लाघाट इकाई के लिए अंतिम बोली 27,21,00,000 रुपए की रही। मैसर्ज मदन राम को इस इकाई का आवंंटन हुआ। आवंटन प्रक्रिया की अध्यक्षता उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने की। अतिरिक्त आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी (दक्षिण क्षेत्र) विवेक कुमार समाहर्ता के रूप में, सिरमौर जिला के राज्य कर एवं आबकारी उपायुक्त हिमांशु पंवार पर्यवेक्षक के रूप में तथा देवकांत प्रकाश खाची राज्य कर एवं आबकारी उपायुक्त जिला सोलन के रूप में इस अवसर पर उपस्थित रहे।
** स्वास्थ्य मंत्री बोले, शिक्षा पर इस वित्त वर्ष में व्यय होंगे 9560 करोड़ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ छात्रों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए कार्य कर रही है। डॉ. शांडिल आज सोलन विधानसभा क्षेत्र के कोठों में 72 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के अतिरिक्त भवन की आधारशिला रखने के उपरांत लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। स्वास्थ्य मंत्री ने कोठों के 3.50 लाख रुपए की लागत से निर्मित संपर्क मार्ग का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के लिए इस वर्ष 9560 करोड़ रुपए व्यय करेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा एवं नैतिक मूल्यों का ज्ञान दिया जाना जरूरी है। उन्होंने अध्यापकों से आग्रह किया कि अपने ज्ञान को अद्यतन रखें और यह प्रयास करें कि छात्रों को किताबी शिक्षा के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान भी दिया जाए। डॉ. शांडिल ने कहा कि शिक्षा युवाओं के जीवन को आधार देती है और गुणात्मक शिक्षा पर सभी का अधिकार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सभी सरकारी विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा प्रदान करने के निर्णय से छात्रों के आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल चरणबद्ध तरीके से स्थापित किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि यह स्कूल विश्व स्तरीय सुविधाओं से युक्त होंगे। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्रों को प्रदेश सरकार द्वारा श्रीनिवास रामानुजन योजना के तहत टैबलेट प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कुंदला स्थित प्राचीन शिव में पूजा-अर्चना की और वर्षा से क्षतिग्रस्त प्रांगण का निरीक्षण किया। डॉ. शांडिल 7 मार्च को सोलन विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल 7 मार्च को सोलन विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। वे दोपहर 2.15 बजे सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ममलीग के बशील में सामुदायिक भवन का लोकार्पण करेंगे। तदोपरांत दोपहर 2.40 बजे काकरा (ममलीग) में सामुदायिक भवन का लोकार्पण करेंगे।डॉ. शांडिल तत्पश्चात सायं 3 बजे ममलीग स्थित बगलामुखी मंदिर के समीप किचन शेड का लोकार्पण करेंगे तथा सामुदायिक भवन की आधारशिला रखेंगे। सायं 3.15 बजे ग्राम पंचायत ममलीग में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का लोकार्पण करेंगे एवं आधारशिला रखेंगे। डॉ. शांडिल तत्पश्चात ममलीग में किसान मेले में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
शैक्षिक उत्कृष्टता और नेतृत्व की एक उल्लेखनीय स्वीकृति में शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अतुल खोसला को भारत सरकार द्वारा भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) सोसायटी के सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है। भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा एक अधिसूचना में नामांकन की आधिकारिक घोषणा की गई। भारत के दो प्रमुख संस्थानों, आईआईटी कानपुर और जेबीआईएमएस, मुंबई के पूर्व छात्र के रूप में, प्रोफेसर अतुल खोसला की शैक्षणिक और व्यावसायिक यात्रा तकनीकी दक्षता और प्रबंधन कौशल का मिश्रण है। प्रोफेसर खोसला का नामांकन विश्वविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागों के प्रतिनिधियों की श्रेणी में आता है। वह बेंगलुरु नॉर्थ यूनिवर्सिटी, सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी और बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के अन्य प्रतिनिधियों के साथ शामिल हुए हैं। शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रोफेसर पीके खोसला ने शिक्षा क्षेत्र में प्रोफेसर अतुल खोसला के योगदान को मान्यता देने के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय को धन्यवाद दिया। प्रोफेसर पीके खोसला ने आगे कहा कि यह सम्मान न केवल प्रोफेसर अतुल खोसला की उपलब्धियों का जश्न मनाता है, बल्कि उन्हें आईआईएमसी के साथ अपनी वैश्विक अंतर्दृष्टि और विशेषज्ञता साझा करने के लिए एक मूल्यवान मंच भी प्रदान करता है, जो मीडिया और संचार शिक्षा में संस्थान की विरासत को और समृद्ध करता है। 17 अगस्त, 1965 को दिल्ली में स्थापित भारतीय जनसंचार संस्थान, पूरे भारत में पांच क्षेत्रीय केंद्रों तक फैल गया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त समाज के रूप में कार्य करते हुए, आईआईएमसी मीडिया शिक्षा के एक प्रकाशस्तंभ के रूप में खड़ा है, जो संचार पेशेवरों की अगली पीढ़ी को आकार दे रहा है। प्रोफेसर अतुल खोसला, कुलपति के रूप में अपने प्रशासनिक कौशल से परे, शैक्षिक नवाचार और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग में एक प्रेरणादायक व्यक्ति रहे हैं। शूलिनी विश्वविद्यालय में उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने संस्थान को वैश्विक मान्यता और पाठ्यक्रम में अत्याधुनिक अनुसंधान और टिकाऊ प्रथाओं को एकीकृत करने ओर अग्रसर किया है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने विधानसभा क्षेत्र अर्की के अंतर्गत आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रत्याशी गोविंद राम शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भजपा महिला मंडल अध्यक्ष रीना भारद्वाज ने की। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर, महिला मोर्चा प्रदेश सचिव प्रतिभा कंवर, महामंत्री भावना गुप्ता, रमेश ठाकुर, दयानंद शर्मा, आशा परिहार, हीरा कौशल, भुवनेश्वरी शर्मा, रमेश, हीरा कौशल और अनेकों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कर्ण नंदा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा की वर्तमान कांग्रेस सरकार ने प्रतिमाह 1500 रुपये देने का झूठ एक और बार बोल दिया है। पहले झूठी गरंटिया देते हुए वह सत्ता में आए और अब झूठ बोलकर महिलाओं को गुमराह करना चाहते हैं। नंदा ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में हमारी सरकार ने 33 फीसदी सीटों को आरक्षित करने का काम किया है। यह काम 30-40 सालों से लटका हुआ था, लेकिन हमारी सरकार ने महिलाओं की बेहतरी के लिए यह काम किया है। अगर हिमाचल प्रदेश में किसी ने प्रदेश में महिला आरक्षण लगाया तो वह पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल थे आज हमें जान कर खुशी है कि हिमाचल में 3,615 में से 1,825 पंचायतों में महिलाएं प्रधान हैं। 45 अनारक्षित सीटों पर भी महिलाओं का कब्जा है। जिला सोलन में भी 240 सीटों में से 124 महिला प्रधान हैं, जो कि 50 फीसदी से अधिक है। महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए नंदा ने कहा कि पीएम मोदी ने गरीबों को सहायता देने, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को इसका लाभ देने के लिए आयुष्मान भारत योजना शुरू की है। उन्होंने रूफ टॉप सोलर अभियान का उल्लेख किया, जहां 1 करोड़ परिवार मुफ्त बिजली का लाभ उठाएंगे, साथ ही सरकार को अतिरिक्त बिजली बेचकर प्रति वर्ष 15,000 रुपये से 18,000 रुपये की आय भी अर्जित करेंगे। प्रधानमंत्री ने आज घोषित आयकर छूट योजना का उल्लेख किया जिससे मध्यम वर्ग के लगभग 1 करोड़ नागरिकों को राहत मिलेगी। आज लगभग 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ चुकी हैं। इन समूहों को 8 लाख करोड़ रुपए बैंक लोन और 40 हजार करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।
पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन के प्रधान धनीराम तनवर एवं समस्त कार्यकारिणी सदस्य दिप राम ठाकुर, नागेंद्र ठाकुर, रती राम शर्मा, ओम प्रकाश, पतराम पंवर, नेकी राम, वेद ठाकुर, पुष्पा सूद, बीना चौहान, धर्म सिंह ठाकुर, श्यामलाल ठाकुर, सतपाल शर्मा निर्मल ठाकुर देवराज ठाकुर, आशा राणा, संत राम चंदेल, जीत सिंह, जसवीर सिंह इत्यादि ने अपने संयुक्त बयान में कहा है कि पेंशनर के साथ उनके वित्तीय लाभ जो काफी समय से सरकार के पास पेंडिग पड़े हैं, उसका जो फार्मूला बनाया गया है, वह पेंशनर के साथ मजाक है। पुलिस पेंशनर के साथ यह बड़ा मजाक सरकार द्वारा किया जा रहा है। पुलिस पेंशनर सरकार से मांग करती है कि जो भी वित्तीय लाभ पेंशनर के सरकार के पास काफी सालों से पेंडिंग पड़े हैं, उनका जल्दी से भुगतान किया जाए। जैसे कि पहले दिए जाने की घोषणा की गई थी व बड़े हुए वेतन की राशि एक मुश्त दी जाए। क्या सरकार पेंशनर को मरने के बाद देगी बकाया राशि ? ऐसा फार्मूला आज तक किसी भी सरकार ने नहीं किया जो वर्तमान में हो रहा है। वित्तीय विभाग के अधिकारी, कर्मचारी ऐसे मामले को निपटाने में असमर्थ है। इस फार्मूले के अनुसार तो जो पुलिस पेंशनर 80 वर्ष की आयु में है क्या वह 35 साल तक जीवित रहेंगे। सरकार को शर्म आनी चाहिए की वह पेंशनर के साथ ऐसा मजाक कर रही है जिन्होंने 38 से 40 साल अपनी सवाएं प्रदेश सरकार को दी है। यह सम्मान पुलिस पुलिस पेंशनर के साथ दिया जा रहा है, जिसकी संगठन निंदा करती है।
शूलिनी विश्वविद्यालय में कानूनी विज्ञान संकाय ने नए आपराधिक कानूनों पर संवेदनशीलता पर पांच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) और कार्यशाला का आयोजन किया। प्रतिभागियों को यूआईएलएस, पंजाब विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. अजय रंगा जैसे कानूनी प्रणाली के दिग्गजों से अंतर्दृष्टि प्राप्त करने का मौका मिला। उनके सत्र ने भारत के आपराधिक कानूनों के ऐतिहासिक आधारों और वर्तमान युग में उनके महत्व पर गहरी जानकारी दी। सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ वकील और भारत के पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल, एडवोकेट पिंकी आनंद ने आपराधिक कानून के विकसित प्रतिमानों और कानूनी प्रथाओं पर इसके प्रभाव पर अपनी विशेषज्ञता से दर्शकों को समृद्ध किया। पूर्व पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल ने कानून प्रवर्तन के दृष्टिकोण से चुनौतियों और दृष्टिकोणों को स्पष्ट करने के साथ-साथ नए आपराधिक कानूनों का व्यापक अवलोकन दिया। इंस्टीट्यूट ऑफ करेक्शनल एडमिनिस्ट्रेशन, चंडीगढ़ की उप निदेशक और प्रमुख डॉ. उपनीत लाली ने नए कानूनों के व्यावहारिक कार्यान्वयन पर अपने बहुमूल्य दृष्टिकोण साझा किए। एनएफएसयू गांधीनगर में पुलिस विज्ञान और सुरक्षा अध्ययन स्कूल के प्रोफेसर अक्षत मेहता द्वारा एफडीपी को एक यादगार समापन तक लाया गया, जिन्होंने आपराधिक कानून में हाल के बदलावों के संदर्भ में कानून के शासन और शासन के महत्वपूर्ण महत्व को रेखांकित किया। कानूनी विज्ञान संकाय के एसोसिएट डीन डॉ. नंदन शर्मा ने एफडीपी का समन्वय किया, और उपस्थित लोगों और संकाय दोनों का धन्यवाद किया, प्रमाण पत्र वितरण के साथ वर्कशॉप संपन्न हुई।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना की घोषणा कर प्रदेश की महिलाओं के साथ किया वादा निभाया है। कांग्रेस की पांचवीं गारंटी को पूरा करने के लिये युवा कांग्रेस सरकार का हार्दिक धन्यवाद करती है। 18 साल से ऊपर की पात्र माताओं-बहनों को वित्तीय वर्ष 2024-25 से 1500 रुपये प्रति माह देने के एलान से प्रदेश भर की महिलाओं में ख़ुशी की लहर है। यह बात युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने में महिला शक्ति का प्रबल योगदान रहा है। प्रदेश की महिलाओं से 1500 रुपये हर महीने की गारंटी को पूरा कर सरकार ने महिलाओं के प्रति सम्मान के साथ ही प्रदेश के हित के लिए सरकार की कार्यनिष्ठा को भी साबित किया है। भंडारी ने कहा कि पहले वित्तीय वर्ष में ही पांच गारंटियों को पूरा करना मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की हिमाचलवासियों की सेवा में समर्पित वचनवद्धता का सबूत है। युवा कांग्रेस हर परिस्थिति में प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के साथ खड़ी है।
** बोले, भगवान शंकर का श्रवण-कीर्तन और मनन करना मुक्ति के हैं मार्ग ** 7 मार्च को संपन्न होगी महाशिव पुराण कथा, 8 को मनाई जाएगी महाशिवरात्रि शिव तांडव गुफा में आयोजित हो रही महाशिव पुराण कथा के अंतर्गत आज 9वें दिन कथावाचक आचार्य हेमंत भारती ने भक्तजनों को बताया कि मानव को महेश्वर का श्रवण-कीर्तन और मनन सदैव करते रहना चाहिए। भगवान शंकर का श्रवण-कीर्तन और मनन ये तीनों साधन वेद सम्मत हैं और मुक्ति के मार्ग हैं। उन्होंने बताया कि शिवलिंग भगवान शिव के निराकार स्वरूप का प्रतीक है और मूर्ति साकार रूप का। इस संसार में सिर्फ महादेव को ही मूर्ति एवं लिंग दोनों के रूप में पूजा जाता है। वहीं, कथा के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए शिव तांडव गुफा विकास समिति के प्रधान राम रतन तंवर ने बताया कि इस कथा को 7 मार्च को यज्ञ में पूर्ण आहुति के साथ विराम दिया जाएगा और 8 मार्च को महाशिवरात्रि का पर्व बहुत ही हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया जाएगा। 9 मार्च को सभी भक्तजनों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर शंभू परिवार के सदस्यों के के साथ साथ अमरीश ठाकुर, मन्नू भारद्वाज, गुमान सिंह कंवर, हरि सिंह पाल, लायक राम शर्मा, कुनिहार एवं उसके आसपास की सैकड़ों भक्तजन प्रतिदिन इस कथा में सम्मिलित होकर के इस कथा का श्रवण एवं रसास्वादन कर रहे हैं।
** बोले, एरियर मिलने में लगेंगे 33 वर्ष, सरकार एकमुश्त करे बकाया राशि का भुगतान सरकार ने जनवरी, 2016 से फरवरी 2022 तक पेंशन एरियर तथा 1 जुलाई, 2022 से मार्च, 2024 तक चार प्रतिशत महंगाई भत्ता की बकाया राशि के भुगतान बारे 4 मार्च को अधिसूचना जारी की है, जिसका पेंशनरों ने कड़ा विरोध किया है। जिला पेंशनर्सर् एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन सोलन के जिला अध्यक्ष केडी शर्मा तथा महासचिव जगदीश पंवर ने प्रेस को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि इस अधिसूचना के अनुसार बकाया संशोधित पेंशन भुगतान में करीब 33 वर्ष लगेंगे और महंगाई भत्ता के बकाया भुगतान को 5 वर्ष 7 महीने की अवधि सरकार को देने में लगेगी। जिला अध्यक्ष व महासचिव सहित सभी जिला कार्यकारणी पदाधिकारियों ने ऐसी अधिसूचना पर आपत्ति जाहिर की है तथा यह आशंका जाहिर की है कि सरकार पर अफसरशाही हावी है और इसे बदनाम करने हेतु उलूल-जुलूल अधिसूचना जारी करवा कर एक मिसाल पेश की है। पेंशनरों ने इस अधिसूचना को तुरंत निरस्त करने की मांग की है। समस्त जिला पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस अधिसूचना बारे कड़ा संज्ञान लेकर बकाया राशि को एकमुश्त जारी करने के आदेश जारी करे, अन्यथा पेंशनर संघ कठोर कदम उठाने पर विवश होगा।
हिमाचल की कांग्रेस सरकार को प्रदेश हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाई कोर्ट ने सुक्खू सरकार के वाटर सेस एक्ट को असंवैधानिक करार दिया है। इस फैसले के बाद राज्य सरकार जल विद्युत परियोजनाओ से वाटर सेस नहीं वसूल सकेगी। यह फैसला मंगलवार को जस्टिस त्रिलोक चौहान और सत्येन वैद्य की बेंच ने सुनाया। जानकारी के अनुसार करीब 40 बिजली उत्पादन कंपनियों ने कोर्ट में एक्ट को लेकर सरकार को चुनौती दी थी। इन कंपनियों की ओर से कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी रहे वकील अभिषेक मनु सिंघवी और भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता वर्चुअली हाई कोर्ट में पेश हुए थे। हिमाचल सरकार की ओर से दुष्यंत दवे और अन्य वकीलों ने न्यायालय में हिमाचल सरकार का पक्ष रखा था। सरकार को हर साल करोड़ों की आय की थी उम्मीद बता दें कि सुक्खू सरकार ने सत्ता में आते ही आर्थिक संसाधन जुटाने के लिए प्रदेश में चल रही बिजली परियोजनाओं पर जल उपकर लगाने का फैसला लिया था। इसके लिए विधानसभा में एक्ट बनाया गया। सरकार को इस कवायद से हर साल करीब 4000 करोड़ रुपये की आय की उम्मीद थी। हालांकि बाद में वॉटर सेस की दर की समीक्षा की गई, जिसके बाद हिमाचल को 2000 करोड़ रुपये की उम्मीद थी ।
हिमाचल के सोलन जिला में सोमवार देर रात भूस्खलन होने से गिरे मलबे में दो मजदूर दब गए, जिनकी दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कसौली विधानसभा हलके के गाहर गांव में निजी कंपनी की ओर से फ्लैट का निर्माण किया जा रहा था। सोमवार देर रात 12:30 बजे पहाड़ी से लैंडस्लाइडिंग हुई और मलबा मजदूरों के अस्थायी शेड पर आ गिरा। मजदूर मलबे के नीचे दब गए। वहीं, जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि, दोनों मजदूरों को बचाया नहीं जा सका। मलबे से शवों को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए एमएमयू अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के पूर्व छात्र विश्वविद्यालय में आयोजित अलुम्नी मीट के लिए इक_ा हुये। यह कार्यक्रम विभिन्न बैचों के पूर्व छात्रों का एक साथ लाया, जो अपने विश्वविद्यालय के दिनों की यादगार यादों को ताजा करने के लिए उत्सुक दिखे। इस अवसर पर हरियाणा विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ. नंद लाल शर्मा मुख्य अतिथि रहे। भारतीय वानिकी अनुसंधान और शिक्षा परिषद के डीडीजी और निदेशक अंतर्राष्ट्रीय सहयोग विनय कुमार और ओमनी फ्लावर कनाडा के एमडी देवेंदर आसी विशिष्ट अतिथि थे। उपस्थित लोगों में कई भारतीय वन सेवा अधिकारी, विभिन्न सरकारी और सार्वजनिक उद्यमों के प्रशासक, प्रगतिशील किसान और उद्यमी शामिल थे। इस कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय सोलन से 1971 बैच के पासआउट राम लाल शर्मा ने भाग लिया, जो इस बैठक में उपस्थित सबसे पुराने पूर्व छात्र थे। इस अवसर पर पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष डॉ. राज कुमार ठाकुर ने इस यादगार कार्यक्रम के लिए नौणी में एकत्र हुए देश-विदेश के आए पूर्व छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने संबोधन के दौरान, डॉ. नंद लाल शर्मा ने अपने विश्वविद्यालय के दिनों को याद किया और पूर्व छात्र एसोसिएशन द्वारा स्थापित कॉर्पस फंड में योगदान करने के लिए प्रोत्साहित किया ताकि सभी विश्वविद्यालय के विकास में अपनी भूमिका निभा सके। उन्होंने पूर्व छात्रों से वर्तमान छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा करने, मार्गदर्शन और कौशल वृद्धि चर्चाओं को बढ़ावा देने का आग्रह किया। डॉ. नंद लाल शर्मा और देविंदर आसी दोनों ने कॉर्पस फंड में 1 लाख रुपये का योगदान दिया जबकि अनेक प्रतिभागियों ने भी इस फंड में अपना योगदान दिया। इस मौके पर आभार व्यक्त करते हुए कुलपति डॉ. राजेश्वर सिंह चंदेल ने संस्थान के भविष्य को आकार देने में पूर्व छात्रों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन और पूर्व और वर्तमान छात्रों के बीच संबंध मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
** मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया एलान, 5 लाख से अधिक महिलाएं होंगी लाभान्वित ** योजना से जुड़ेगा हर परिवार, प्रति वर्ष 800 करोड़ रुपये होंगे खर्च हिमाचल में 18 से 80 वर्ष की सभी महिलाओं को 1500 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी और यह पेंशन वित्त वर्ष 2024-25 में मिलना शुरू हो जाएगी। यह बड़ा एलान प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिला लाहौल-स्पीति के बाद वित्त वर्ष 2024-25 से इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना पूरे प्रदेश में लागू करने का निर्णय लिया गया है। योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को लाभ होगा। इसके लिए फॉर्म भरे जाएंगे। इस योजना से प्रत्येक परिवार सीधे-सीधे जुड़ेंगे। इस योजना पर 800 करोड़ रुपये प्रति वर्ष खर्च होगा। जब सरकार बनी तो प्रदेश की आर्थिक स्थिति थी खराब मुख्यमंत्री ने शिमला में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को पहले से दी जा रही 1150 रुपये पेंशन को बढ़ाकर 1500 रुपये किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक वर्ष पहले जब कांग्रेस की सरकार बनी, तो उस समय प्रदेश की आर्थिक स्थिति बदहाल थी। प्रदेश पर 75 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, कर्मचारियों की 10 हजार करोड़ रुपये की देनदारियां थीं। लेकिन अपनी सार्थक नीतियों व कार्यक्रमों के बाद हमने इसका सामना किया। एक-एक कर पूरी की जा रहीं सभी गारंटियां सीएम ने कहा कि सरकार ने अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में पहली गारंटी पुरानी पेंशन स्कीम को लागू किया। दूसरी 650 करोड़ रुपये की गारंटी राजीव गांधी स्टार्टअप योजना को तीन चरणों में शुरू की। तीसरी अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोलने की थी, उसे इस सत्र से पूरा किया जा रहा है। चौथी गारंटी के रूप में गाय के गोबर खरीद योजना को लागू किया। गाय के दूध की खरीद में 13 और भैंस के दूध में 23 रुपये की वृद्धि की। प्राकृतिक खेती पर भी एमएसपी को लागू किया।
भारतीय डाक विभाग द्वारा 6 मार्च से 11 मार्च तक 9 से 15 वर्ष आयु वर्ग तक के छात्र-छात्राओं के लिए अंतरराष्ट्रीय पत्र प्रतियोगिता-2024 का आयोजन कर रहा है। यह जानकारी डाक मंडल सोलन के अधीक्षक राम देव पाठक ने दी। राम देव पाठक ने कहा कि प्रतियोगिता का विषय '150 साल पुराने, यूपीयू ने आठ पीढ़ियों से अधिक समय तक दुनिया भर के लोगों की सेवा की है। तब से दुनिया काफी बदल गई है। आने वाली पीढ़ियों को उस दुनिया के बारे में एक पत्र लिखे, जिसके बारे में आप आशा करते है कि वे उन्हें विरासत में मिलेगी निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के विषय में अधिक जानकारी डाक विभाग की वेबसाइट www.indiapost.gov.in से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पत्र लेखन प्रतियोगिता भारतीय डाक विभाग द्वारा 11 मार्च से पहले निर्धारित स्कूलों में आयोजित की जाएगी।
** कहा, गुटों में विभाजित कांग्रेस अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही ** अपने ही मुख्यमंत्री पर आई आपदा में अवसर तलाश रहे कांग्रेसी भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विवेक शर्मा ने कहा कि गुटों में विभाजित कांग्रेस अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। आकाओं को खुश करने के लिए विधायकों के पुतले फूंके जा रहे हैं। पार्टी नेता बयान पर बयान जारी कर खुद पर हुए अन्याय की बात कर रहे हैं। वहीं, अभिव्यक्ति की आजादी की बात करने वाले और न्याय यात्रा कर रहे राहुल गांधी अपने ही नेताओं के साथ हो रहे अन्याय पर मौन हैं। विधायकों के घरों की सुरक्षा इस प्रकार बढ़ा दी गई है, जैसे वे विधायक नहीं, राजनीतिक अपराधी हाउस अरेस्ट हों। आखिर हिमाचल में हो क्या रहा है। अस्थिरता का आलम यह है कि शौचालय गया हुआ मंत्री अगर 10 मिनट तक बाहर ना आए तो सुरक्षा कर्मी शीशे से अंदर झांक रहे हैं। कुछ लोगों को यह विघटन लव जिहाद दिख रहा है, पर सच्चाई यह है कि अपने ही मुख्यमंत्री पर आई आपदा में कांग्रेसी अवसर तलाश रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लि. पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन उप इकाई कुनिहार की मासिक बैठक का आयोजन कुनिहार में एक निजी होटल के हॉल में किया गया। बैठक में कुनिहार, बराबरी, डुमेहर,बातल, घाघर, देवरा, कक्कड़ाहटी, सुबाथू, कुफ्टू, देवठी आदि स्थानों से बहुत अधिक संख्या में सदस्यों ने भाग लिया। सबसे पहले सभी सदस्यों ने सोलन से पधारे राज्य कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष ईं. जेसी शर्मा का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जेसी शर्मा ने अपने राज्य कार्यकारिणी द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा बोर्ड प्रबंधन के साथ उठाए गए मसलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उसके बाद इकाई प्रधान रत्न तंवर ने बताया कि इकाई के द्विवार्षिक चुनाव आज होने हंै इसलिए एक चुनाव कमेटी ई जेसी शर्मा की अध्यक्षता में बनाई गई। इसके बाद प्रधान ने अपनी पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने का एलान किया और नई कार्यकारिणी का गठन किया। यह रही नवगठित कार्यकारिणी पैटर्न ई. वाईके ठाकुर, प्रधान ई रत्न तंवर, वरिष्ठ उप प्रधान ई रूपेंद्र कौशल, उप प्रधान सुरेश चंद रिखी राम, रमेश चौधरी, नरेंद्र पाल, दलीप कुमार, महासचिव आरएन कश्यप, संयुक्त सचिव पीएस चौहान वित्त सचिव। एसआर कश्यप, उप वित्त सचिव सुरेश मेहता, ऑडिटर ई राजिंदर तंवर, संगठन सचिव सुनील कुमार,भूपेंद्र पाठक, सोहन लाल, मुख्य सलाहकार ई आरपी तंवर, कार्यकारिणी सदस्य गोपाल गर्ग, देवी दत्त, बृज लाल, दलवीर देवेंद्र शर्मा ,रोशन लाल, देवी चंद, रूप राम पाल, सालिग राम, मस्त राम को बनाया गया।
पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू में अंतर्सदनीय हिंदी हास्य काव्य वाचन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में चिनार, देवदार, ओक और टीक सदनों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। कनिष्ठ वर्ग और वरिष्ठ वर्ग के चारों सदनों के एक-एक प्रतिभागी ने हिंदी हास्य काव्य वाचना प्रतियोगिता में भाग लिया। टीक सदन से कनिष्ठ वर्ग के समर गौतम को प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार, चिनार सदन के स्वास्तिक ठाकुर को दूसरा स्थान, जबकि ओक सदन की शफक और देवदार सदन के विजेंद्र राणा तीसरे स्थान पर रहे। वरिष्ठ वर्ग का प्रथम पुरस्कार टीक सदन की काव्या ने प्राप्त किया, जबकि ओक सदन की पायसविनी को दूसरा स्थान तथा चिनार मदन के अक्षत को तीसरे स्थान पर संतुष्ट रहना पड़ा। अंतर्सदनीय हिंदी हास्य काव्य वाचन प्रतियोगिता का ओवरऑल खिताब टीक मदन के नाम रहा। प्रतियोगिता के दूसरे स्थान पर ओक सदन और चिनार सदन, जबकि तीसरा स्थान देवदार सदन ने अपने नाम किया। निर्णायक मंडल में डिंपल चुग और वंदना वर्मा, जो कि पाइन स्कूल धर्मपुर में कार्यरत उन्होंने समय देकर नन्हे बाल कवियों की खूब सराहना की। हेड टीचर पंकज शर्मा ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले चारों सदनों के प्रतिभागियों की सराहना की और विजयी सदन के विद्यार्थियों को मंच पर पुरस्कृत किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों को इस तरह की प्रतियोगिताओं में आगे बढ़कर भाग लेना चाहिए और अपने भय को दूर करने के लिए यह अवसर उनके लिए सुनहरी होता है। विद्यालय के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह एवं प्रबंधन प्रमुख समीक्षा सिंह ने सभी विजेताओं, आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने आज यहां पोलियो दिवस के अवसर पर बच्चों को पोलियो खुराक पिलाकर पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंंभ किया। उन्होंने भारत को पोलियो मुक्त बनाने के लिए देश के स्वास्थ्य तथा चिकित्सा कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज प्रदेश में 10,963 दलों द्वारा 5,870 केंद्रों में 5,90,600 बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भारत को पोलियो मुक्त देश घोषित किया गया है, लेकिन हमारे पड़ोसी देशों में पोलियो के मामले होने के कारण नियमित अन्तराल में प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को इस अभियान के तहत कवर करने के लिए उनके घरद्वार के समीप विभिन्न पोलियो टीकाकरण केंद्र खोले गए हैं। इसके अतिरिक्त, बस अड्डों, जिलों की सीमाओं, यात्री स्थलों तथा अन्य महत्वपूर्ण जन स्थलों पर भी पोलियो की खुराकें पिलाई जाएंगी। सरकार टीकाकरण अभियान में छूटे हुए बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने के लिए घर-घर जाकर भी अभियान आरम्भ करेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बर्फबारी तथा शीतलहर के कारण लाहौल-स्पिति, किन्नौर तथा जिला चम्बा के पांगी के अलावा पूरे प्रदेश में पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इन क्षेत्रों में 7 अप्रैल को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
** ज्वालामुखी, जयसिंहपुर और पालमपुर में जल शक्ति विभाग के मंडल खोलने का फैसला ** नीलामी सह निविदा के माध्यम से आबकारी नीति को स्वीकृति मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज यहां आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए नीलामी सह निविदा के माध्यम से आबकारी नीति को स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने पशुपालन विभाग में सुचारू कामकाज को सुनिश्चित करने के दृष्टिगत पशु चिकित्सा अधिकारियों के सहयोग के लिए विभाग में 1000 मल्टी टास्क वर्कर्स रखने को मंजूरी प्रदान की। बैठक में लोक निर्माण विभाग में जेओए (आईटी) के 30 पद भरने को भी मंजूरी दी गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग के आर्किटेक्ट विंग में वरिष्ठ ड्राफ्ट्समैन के 4 रिक्त पदों को भरने की मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में पीटीए नीति के तहत रखेे गए 46 पात्र शिक्षकों की सेवाओं को नियमित करने का भी निर्णय लिया गया, जो राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार अपेक्षित योग्यताएं पूरी करते हैं। बैठक में 10 फूड सेफ्टी वाहन खरीदने और स्वास्थ्य विभाग में 10 खाद्य विश्लेषकों, 10 परिचारकों और 10 ड्राइवरों की सेवाएं लेने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में राजकीय माध्यमिक विद्यालय बंगाल चौकी, थरांगन, सलिहार, बोहन भट्टी, देहरियां को राजकीय उच्च विद्यालय, राजकीय उच्च विद्यालय चौकाथ को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में राजकीय माध्यमिक विद्यालय चंद्रौण को राजकीय उच्च विद्यालय में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त जिला चंबा के राजकीय माध्यमिक विद्यालय फगोट को राजकीय उच्च विद्यालय, राजकीय उच्च विद्यालय जोलना, रंग, भराड़ी और मथोलु को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जिला शिमला के विकास खंड ठियोग के राजकीय माध्यमिक विद्यालय कराणा को राजकीय उच्च विद्यालय में आवश्यक पदों के साथ स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने क्षेत्र के निवासियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए ग्राम पंचायत मशोबरा और ब्यूलिया के और क्षेत्रों को नगर निगम शिमला के दायरे में शामिल करने को मंजूरी प्रदान की।मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी, जयसिंहपुर और पालमपुर में जल शक्ति विभाग के मंडल खोलने का निर्णय लिया। मंत्रिमंडल ने जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली को सुव्यवस्थित करने और लोगों की सुविधा के दृष्टिगत चंबा जिला में जल शक्ति मण्डल को डलहौजी से चुवाड़ी स्थानान्तरित करने और शिमला जिला में जल शक्ति विभाग के कसुम्पटी, सुन्नी, नेरवा और मतियाणा मण्डलों के पुनर्गठन करने का निर्णय लिया। बैठक में मंडी जिले के धर्मपुर में उपमंडलीय पुलिस कार्यालय खोलने, हमीरपुर जिले के भोरंज पुलिस स्टेशन के तहत लदरौर में पुलिस चौकी खोलने और कुल्लू जिले में पुलिस चौकी मणिकर्ण को पुलिस स्टेशन में स्तरोन्नत करने के साथ-साथ विभिन्न श्रेणियों के पदों के सृजन और भरने को मंजूरी दी गई। बद्दी पुलिस जिले में सिटी पुलिस पोस्ट वर्धमान को क्रियाशील बनाने के लिए विभिन्न श्रेणियों के पद सृजित कर भरने का भी निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने जिला शिमला के ब्लॉक टिक्कर में स्वास्थ्य उप-केंद्र कोठारी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने को मंजूरी दी। मंत्रिमंडल ने कांगड़ा के जिला स्तरीय छिंज सल्याणा, लिदबार मेले, ऊना जिला के हरोली उत्सव और बिलासपुर जिला के घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव को राज्य स्तरीय मेले में स्तरोन्नत करने को मंजूरी दी। इसके अलावा, जयसिंहपुर का होली मेला, जिला बिलासपुर का अजमेर (भराड़ी) ग्रीष्मोत्सव, सांगला होली उत्सव और गंगथ कारु महाराज मेला को जिला स्तरीय मेलों में स्तरोन्नत करने का भी निर्णय लिया गया।
भारत के सर्वोच्च न्यायालय में वरिष्ठ वकील और भारत की पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल डॉ. पिंकी आनंद ने आधुनिक समाज की जरूरतों को पूरा करने और सभी को न्याय दिलाने के लिए आपराधिक न्याय प्रणाली में सुधार के महत्व पर प्रकाश डाला। शूलिनी विश्वविद्यालय में नए आपराधिक कानूनों के प्रति संवेदनशीलता पर आयोजित पांच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) में अपने मुख्य भाषण में, डॉ. पिंकी आनंद ने कहा कि हमें परिवर्तन करना होगा और यह आवश्यक था और हमें उम्मीद है कि नई आपराधिक न्याय प्रणाली के माध्यम से लोगों को जल्दी न्याय मिल सकता है इसके अलावा समय, समीचीनता, दोषसिद्धि के मामले में भी सुधार करना और यह सुनिश्चित करना कि सभी को न्याय मिले। उन्होंने सपनों की शक्ति और सामाजिक न्याय के उपकरण के रूप में कानून की भूमिका पर अपने प्रेरणादायक विचार साझा किए। उनका कथन कि यदि हम सपने नहीं देखते हैं, तो हम हासिल नहीं कर सकते, सामाजिक और कानूनी सुधारों को प्राप्त करने में महत्वाकांक्षा के महत्व को रेखांकित करता है। कार्यशाला में डॉ. पिंकी आनंद और सौदामिनी शर्मा द्वारा लिखित रेजिंग द बार नामक पुस्तक का विमोचन भी हुआ, जो कानूनी अध्ययन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाता है। डॉ. आनंद नए आपराधिक कानूनों के प्रति संवेदनशीलता पर पांच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) के दौरान मुख्य वक्ता थी। अधिवक्ता आनंद ने कानूनों के विभिन्न मानदंडों पर एक व्याख्यान दिया और बताया कि कैसे कानून के आपराधिक पहलू में ये बदलाव न्यायशास्त्र के नए रूपों के लिए एक पोर्टल खोलेंगे जो कुल मिलाकर कानून का एक महान पक्ष सामने लाएगा। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के औचित्य और निहितार्थों पर चर्चा की और वे नागरिकों और राज्य के अधिकारों और कर्तव्यों को कैसे प्रभावित करेंगे। उन्होंने हाल के कुछ मामलों और फैसलों का उदाहरण भी दिया, जिन्होंने देश के कानूनी परिदृश्य को आकार दिया है। उन्होंने सभी पहलुओं को बहुत ही इंटरैक्टिव तरीके से समझाया जिससे सभी छात्रों के लिए बिंदुओं को समझना आसान हो गया। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रश्न पूछने और विषय पर अपने विचार साझा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। डॉ. पिंकी आनंद ने शूलिनी विश्वविद्यालय परिसर में एक व्यापारिक स्टॉल का भी उद्घाटन किया।
** गाय की सेवा का महत्व, गौमूत्र व गाय के दूध के लाभ भी बताए ** 7 मार्च को हवन व पूर्णाहुति के साथ कथा को दिया जाएगा विराम शिव तांडव गुफा विकास समिति व शंभू परिवार की ओर से प्राचीन शिव तांडव गुफा कुनिहार में करवाई जा रही 11 दिवसीय शिव महापुराण कथा के छठे दिन कथावाचक आचार्य हेमंत भारती ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि भगवान भोले श्रद्धा भाव के भूखे हैं। श्रद्धा से उन्हें जो भी आप दूध, बिलपत्र, गंगाजल, फल-फूल चढ़ाते हैं, वे खुश होकर भक्त को मनचाहा वरदान दे देते हैं। आचार्य ने श्रोताओं को गाय की सेवा करने, गौमूत्र व गाय के दूध के लाभ भी बताए। वहीं, कथा के दौरान श्रोताओं ने शिव के भजनों पर नाच-गाकर खूब आनंद उठाया। समिति अध्यक्ष राम रतन व प्रेस सचिव मनोज भारद्वाज ने बताया कि प्रतिदिन पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर शिवलिंग की विशेष पूजा की जा रही है। उन्होंने बताया कि 7 मार्च को हवन व पूर्णाहुति के साथ कथा को विराम दिया जाएगा। 8 मार्च को शिवरात्रि महोत्सव बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। कथा व शिवरात्रि महोत्सव के सफल आयोजन पर 9 मार्च को विशाल भंडारा लगाया जाएगा। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष रामरतन तनवर,उपाध्यक्ष रितु ठाकुर, कोषाध्यक्ष गुमान कंवर, प्रेस सचिव मनोज भारद्वाज, पंडित हेमंत शर्मा, दलीप ठाकुर, हरि सिंह पाल, नेकराम वर्मा, जयपाल, राजेश, पवन सहित सभी समिति व शंभू परिवार के सदस्य व सैकड़ों श्रोता मौजूद रहे।
पाइनग्रोव स्कूल, धर्मपुर छात्र परिषद 2024 की घोषणा 28 फरवरी 2024 को आयोजित प्रतिष्ठित अलंकरण समारोह में मुख्य शिक्षक संजय चौहान द्वारा की गई । इसमें हेड बॉय, हेड गर्ल, प्रीफेक्ट्स और समन्वयक के रूप में चयनित विद्यार्थियों को स्कूल के प्रमुख शिक्षकों द्वारा औपचारिक रूप से बैज देकर सम्मानित किया गया। शपथ ग्रहण का संचालन पिछले वर्ष के हेड ब्वॉय आदित्य राज सिंह ने किया। विद्यार्थी परिषद 2023 के सदस्यों ने विद्यालय के भीतर उच्चतम मानकों को बनाए रखने की जिम्मेदारी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उपस्थित सदस्यों को कार्यभार और ध्वज सौंपा। उत्साह के बढ़ते स्तर के साथ येरिक गौरी को पाइनग्रोव स्कूल, धर्मपुर का हेड बॉय और महक कौर ढिल्लों को हेड गर्ल घोषित किया गया। राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में प्रदर्शित अपनी खेल प्रतिभा के कारण, देवाशीष सैजल और आयुष राय को क्रिकेट और सॉकर सीज़न, यानी स्कूल के पहले और दूसरे सत्र के लिए स्पोर्ट्स प्रीफेक्ट नियुक्त किया गया, जिसमें उनके साथ आध्या शर्मा भी खेल समन्वयक के रूप में कार्य करेंगी। धैर्य शर्मा और अशमन कौर बाजवाको चिनार हाउस प्रीफेक्ट, नेनसांग लेप्चाऔरसिमरत ढिल्लों, देवदार हाउस प्रीफेक्ट्स, रोहक गोयलऔरआयशा प्रधान,ओक हाउस प्रीफेक्ट्स, जबकिअथर्व शर्माऔरसारा ठाकुर, टीक हाउस प्रीफेक्ट्स घोषित किए गए।छात्र समन्वयकों को स्कूल में कामकाज के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों का काम सौंपा गया। अधिकांश क्षेत्रों में, विद्यार्थियों के बीच कार्यों की निगरानी के लिए क्रमशः एक लड़के और लड़की दोनों को समन्वयक के रूप में नियुक्त किया जाता है। छात्र समन्वयकों ने अपनी नई जिम्मेदारियों को शालीनता और उत्साह के साथ स्वीकार किया। कला विभाग की देखभाल का ज़िम्मा कर्मा लेप्चा को प्रदान किया गया। एमयूएन के लिए सुयश बंसल तथा पारिस्थितिकी विभाग के लिएविशेष और वृद्धि शर्माको चयनित किया गया।तारीश मित्तल और महक सिंहद्वारा समाज सेवा का कार्यभार संभाला गया जबकि विद्यालय के प्रतिष्ठित ब्रास बैंड और पाइप बैंड का संचालन रोहित गर्ग और प्रियलद्वारा किया जाएगा। पीए प्रबंधन पृथ्वीश मोंगा तथा भाषण और वाद-विवाद विभागपार्थ गोयलऔर गुनीत कौरके नेतृत्व में कार्य करेगा।रूपांश जैनको फोटोग्राफी, सात्विक शोकल और अमृता रायको स्टेज प्रबंधन, सुखविंदर सिंह और निशा रायको अनुशासन तथासुपश गोस्वामी और हरगुन कौरको प्रकाशन विभाग को सुदृढ़ बनाने का कार्य प्रदान किया गया। प्री फैक्टोरियल बॉडी को शामिल करने के अलावा, पिछले वर्ष के अंतिम सत्र में गतिविधियों और खेलों में उत्कृष्ट तथा सराहनीय प्रदर्शन के लिए 2023 के बारहवीं कक्षा के 8 छात्रों को पाइनग्रोव स्कूल कलर्स से सम्मानित किया गया।आदित्य राज सिंह को एमयूएन और परेड के लिए, कुशांश सिंह खत्रीको पीटी, सॉकर और जिम्नास्टिक के लिए स्कूल ऑनर्स प्रदान किया गया। संगीत और परेड के लिए दिव्यांश सरावगी, कला, एमयूएन और परेड के लिए प्रांजल चाहर, परेड के लिए अभयराज सिंह, आकर्ष जावा, हर्षित गौड़ और कृष्णा बंसल को भी स्कूल ऑनर्स से सम्मानित किया गया। कार्यकारी निदेशक, कैप्टन ए जे सिंह और निदेशक प्रशासन समीक्षा सिंह ने सभी स्कूल प्रमुखों के साथ स्कूल ऑनर्स के पुरस्कार विजेताओं और छात्र परिषद को बधाई दी। कैप्टन सिंह ने देखभाल, करुणा और सहयोग के मूल 'सी' मूल्यों को प्रोत्साहित करते हुए छात्र नेताओं को उनकी नई जिम्मेदारियों को अपनी क्षमताओं के अनुसार संभालने के लिए प्रेरित किया।
शूलिनी विश्वविद्यालय के कानूनी विज्ञान संकाय ने 27 फरवरी से नए आपराधिक कानूनों पर पांच दिवसीय कार्यशाला और संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य संकाय सदस्यों, कानून के छात्रों और पेशेवरों के बीच भारत की आपराधिक कानून प्रणाली में हाल के संशोधनों और प्रगति की समझ को समृद्ध करना है। कार्यशाला का उद्घाटन कानूनी दिग्गजों की उपस्थिति में किया गया। हिमाचल प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल पहले दिन के मुख्य अतिथि थे। अपने उद्घाटन भाषण में, गोयल ने नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन और संबंधित चुनौतियों पर पुलिस के दृष्टिकोण पर गहन अंतर्दृष्टि प्रदान की। प्रतिभागियों के साथ उनके इंटरैक्टिव सत्र ने इन कानूनी परिवर्तनों को समझने और अपनाने की महत्वपूर्ण प्रकृति को रेखांकित किया। यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज, पंजाब यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ. अजय रंगा दूसरे दिन के मुख्य वक्ता थे, उन्होंने भारत में आपराधिक कानूनों के विकास पर एक विचारोत्तेजक व्याख्यान के साथ चर्चा में योगदान दिया, जिसमें सामाजिक लाभों पर जोर दिया गया। कार्यशाला में और अधिक कानूनी पहलुओं को जोड़ते हुए तीसरे दिन के सत्र में भारत के सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. पिंकी आनंद शामिल थे, जिन्होंने नए आपराधिक कानूनी ढांचे की परिवर्तनकारी क्षमता और चुनौतियों के लिए हमारी कानूनी प्रणाली को अपनाने के महत्व पर जोर दिया। आधुनिक दुनिया, जिसमें कानूनी प्रथाओं में सोशल मीडिया प्लेटफार्मों का एकीकरण शामिल है। डॉ. पिंकी आनंद, जो भारत के पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल हैं, ने सपनों की शक्ति और सामाजिक न्याय के एक उपकरण के रूप में कानून की भूमिका पर अपने प्रेरणादायक विचार साझा किए। उनका कथन यदि हम सपने नहीं देखेंगे हैं, तो हम उन्हें हासिल नहीं कर सकते, सामाजिक और कानूनी सुधारों को प्राप्त करने में महत्वाकांक्षा के महत्व को रेखांकित करता है। कार्यशाला में डॉ. पिंकी आनंद और सौदामिनी शर्मा द्वारा लिखित रेज़िंग द बार नामक पुस्तक का विमोचन भी हुआ, जो कानूनी अध्ययन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाती है। डॉ. पिंकी आनंद ने शूलिनी विश्वविद्यालय परिसर में स्थित एक व्यापारिक स्टॉल का भी उद्घाटन किया। प्रो. चांसलर विशाल आनंद ने शूलिनी विश्वविद्यालय के लिए अपना दृष्टिकोण व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र इस विश्वविद्यालय को दुनिया का नंबर 1 विश्वविद्यालय बनाते हैं। हम एक वैश्विक विश्वविद्यालय बनने की दिशा में लगन से काम कर रहे हैं। इस अवसर पर प्रो. पी.के. खोसला ने मात्रा से अधिक गुणवत्ता के महत्व और स्कूल स्तर से शुरू होने वाले शैक्षिक सुधार की आवश्यकता पर प्रकाश डाला और कहा की इसे समृद्ध भारतीय संस्कृति से प्रेरित होना चाहिए। धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर नंदन शर्मा एसोसिएट डीन फैकल्टी ऑफ लीगल साइंसेज ने दिया, उन्होंने डॉ. पिंकी आनंद की प्रेरणादायक भूमिका पर प्रकाश डाला और कहा कि वह सभी छात्रों के लिए प्रेरणा हैं।
पाइनग्रोव स्कूल सूबाथू में शैक्षणिक सत्र 2021-2022 के लिए छात्र परिषद का अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में हेड टीचर पंकज शर्मा ने बताया कि नवगठित छात्रों के परिषद का चुनाव बड़े ही लोकतांत्रिक रूप से तथा कई पैमानों पर खरा उतरनें के बाद किया गया, जिसमें न केवल शैक्षणिक प्रदर्शन अनुशासन, बल्कि खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में प्रदर्शन को मद्देनजर रखा गया। इस प्रक्रिया को और भी पारदर्शी बनाने के लिए न केवल बारहवीं कक्षा के छात्रों ने मतदान कर अपनी प्राथमिकता दिखाई, बल्कि कनिष्ठ वर्ग के छात्रों ने भी मतदान कर छात्रों के चुनाब में अहम भूमिका निभाई । सर्वप्रथम चार सदनों के नए परिषद कप्तानों के नामों की घोषणा हुई। अनुज सोनी व श्रुति को चिनार सदन का कार्यभार सौंपा गया, वहीं, देवदार सदन के लिए त्रिभुवन नरेश तथा कायरा दत्ता को चयनित किया गया। सृजन शर्मा और स्नेहा ठाकुर ओक सदन के लिए मनोनीत किया गए जबकि रोहन सिडाना और राशि सहारन को टीक सदन की जिमेदारी सौंपी गई । इसके साथ-साथ एम यूएन का कार्यभार कायरा दत्ता, स्टेज इवेंट की देखरेख कृश गुप्ता और काव्य, जशंनदीप सिंह को बैंड क्लब, गरबोलॉजी की देखरेख अथर्व सिंह और गुरसेहज कौर, त्रिभुवन नरेश, को पीए सिस्टम, श्रुति, कायरादत्त, आकांक्षा को देवदार सदन की जिम्मेदारी के साथ-साथ प्रकाशन का कार्यभार सिमरनदीप सिंह ढिल्लों को बैंड क्लब के साथ-साथ खेल कप्तान का कार्यभार सौंपा गया। तत्पश्चात वह घड़ी आ गई जिसका सबको बेसबरी से इंतजार था। कर्तव्य सूद को हेड बॉय तथा हैड गर्ल आकांक्षा शर्मा को मनोनीत किया गया। नवगठित छात्र परिषद को पद और गोपनीयता की शपथ, गत वर्ष के हैड बाय प्रणव लिहांतु ने दिलाई। पाइनग्रोव स्कूल के कार्यकारी अद्यक्ष एवं निर्देशक कैप्टन एजे सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी अपना कार्य पूर्णनिष्ठा से करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छात्र परिषद अपना कार्य सही रूप से करेंगे और स्कूल का नाम रोशन करने में सहयोग देते रहेंगे। इस अवसर पर डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन, निर्देशक कैप्टन एजे सिंह, समीक्षा सिंह के अलावा पाइनग्रोव स्कूल, सूबाथू के हेड टीचर पंकज शर्मा, गतिविधि प्रभारी गुरप्रीत सिंह तथा अन्य शिक्षण गण मौजूद रहे और छात्र परिषद के सदस्यों को बधाई दी।
** उड़न दस्तों में सीएंडवी वर्ग से संबंधित शिक्षकों को नहीं किया जा रहा शामिल ** शिक्षा बोर्ड सचिव ने बिना सीएंडवी शिक्षक के उड़न दस्ता न बनाने की कही है बात राजकीय सीएंडवी संघ ने आरोप लगाया है कि मंडलाधिकारी द्वारा दसवीं और बाहरवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं के दौरान छापा मारने के लिए जिन उड़न दस्तों को गठित किया जा रहा है, उसमें सीएंडवी वर्ग की अनदेखी की जा रही है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष दुर्गा नंद शास्त्री व प्रदेश महासचिव ने बताया कि कसौली में उप मंडल स्तर पर दो प्रवक्ताओं व एक प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक को लेकर एक उड़न दस्ते का गठन किया गया, जिसमें सीएंडवी से संबंधित कोई भी शिक्षक शामिल नहीं है। जब इस बारे कार्यालय में संबंधित अधिकारी से बात की गई तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, बल्कि ये कह कर टाल दिया कि आप स्वयं एसडीएम से बात कर लें। उन्होंने कहा कि 27 फरवरी को बोर्ड कार्यालय में शिक्षा बोर्ड सचिव के साथ हुई बैठक में सचिव ने संघ को विश्वास दिलाया था कि बिना सीएंडवी वर्ग से संबंधित अध्यापक के कोई भी उड़न दस्ता गठित नहीं किया जाएगा। संघ के पदाधिकारियों ने बोर्ड सचिव से अनुरोध कि कि इस बारे एक बार फिर से सख्त आदेश जारी किए जाएं।
आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत विद्युत मंडल सोलन के कुछ क्षेत्रों में 4 मार्च को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। जानकारी देते हुए विद्युत मंडल सोलन के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा कहा कि 4 मार्च को प्रात: 9.30 बजे से सायं 5 बजे तक मॉल रोड, अप्पर बाजार, पुराना उपायुक्त कार्यालय, आनंद कॉपलेक्स, न्यायालय परिसर, लोक निर्माण विभाग कालोनी, क्लीन, सेर क्लीन, सन्नी साईड, विवान्ता मॉल, चिल्ड्रन पार्क, पुस्तकालय, क्षेत्रीय अस्पताल, अस्पताल मार्ग, फोरेस्ट रोड, जौणाजी, शिल्ली, अशवनी खड्ड, दामकड़ी, फशकना, फ्लाइ, मेला मैदान, हरट, बेल, नेरी, गण की सेर, मनसार, झोखड़ी, हॉट मिक्स के आस-पास के क्षेत्र, ग्रानी, सलोगड़ा के कुछ क्षेत्र, सेवला, बरड बस्ती, ब्रुअरी, तरण-तारण, पडग, विनसम होटल, दाउंसी, गलोथ, कोडहारी, कोठी, कथोग, बजरोल, नडोह, शामती, डमरोग, ऑफिसर कालोनी, कोटलानाला, कथेड, मिनी सचिवालय, लक्कड़ बाजार, गंज बाजार, शिल्ली मार्ग, उपायुक्त आवास क्षेत्र, मोहन कालोनी, मधुबन कालोनी, हरि मंदिर क्षेत्र, राजगढ़ मार्ग, नगर निगम क्षेत्र, रेनॉल्ट शोरूम तथा आस-पास के क्षेत्र, चौक बाजार, सरकुलर मार्ग, धोबीघाट, आई.टी.आई, पुराना बस अड्डा, सेंट लयूक्स, अंबुशा होटल, चेस्टर हिल्स, अमित अपार्टमेंटस, सुंदर सिनेमा, जौणाजी मार्ग, डिग्री कॉलेज, ठोडो मैदान क्षेत्र, खनोग, मतियूल, खलीफा लॉज, जे.बी.टी मार्ग, सूर्य विहार, तहसील परिसर, टैंक रोड़, खुंडीधार, र्साइंटिस्ट कालोनी, नया बस अड्डा, पुलिस लाईन, सब्जी मंडी, सेरी, चंबाघाट चौक, बसाल मार्ग, बसाल, गुगाघाट, हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र बसाल, घडयाल, डांगरी, शिरी, धाला, पट्टी, दयोली की सेर, गारा, पोकन, बाडा, धरोट, सलुमना, ब्लेसिंग हेल्थ केयर, सूर्य किरण, बावरा, गरीब बस्ती, फोरेस्ट कालोनी, एन.आर.सी.एम, करोल विहार, डी.आई.सी कालोनी, मेहर सिंह कालोनी, बेर की सेर, जराश, बेर पानी, बेर गांव, बेर खास, कोनार्क होटल एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि इसी दिन प्रात: 9.30 बजे से सायं 5 बजे तक आंजी, शमलेच, शराणु, नगाली, शुमती, चेवा, बडोग, बाडा, कलोल, कोरो-कैंथडी, लघेचघाट, पॉवर हाउस रोड़, डाकघर सपरुन, आयुर्वेदिक अस्पताल, हाउसिंग बोर्ड कालोनी फेज 1 और 2, रबौन, एससीईआरटी, निगम विहार, देहूंघाट, पडगल, कायलर, देवठी, तार-फैक्टरी, घट्टी, लवीघाट, डोमिनोज, गुरुद्वारा, ज़िला लोक सम्पर्क अधिकारी कार्यालय तथा आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में अथवा किसी अन्य अपरिहार्य कारणों के दृष्टिगत निर्धारित तिथि व समय में बदलाव किया जा सकता है।
शूलिनी विश्वविद्यालय में एप्लाइड साइंसेज और जैव प्रौद्योगिकी संकाय (एफएएसबी) द्वारा आज सीवी रमन द्वारा 1928 में रमन प्रभाव की खोज की स्मृति में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया। दिन के मुख्य अतिथि एमवी थे ढेकाणे, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिक थे । कार्यक्रम की शुरुआत शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. पीके. खोसला के स्वागत भाषण से हुई, जिन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में सीवी रमन, हरगोबिंद खुराना, चन्द्रशेखर और सुब्रह्मण्यम चन्द्रशेखर जैसे अग्रदूतों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को शूलिनी विश्वविद्यालय के भविष्य में नोबेल पुरस्कार विजेता तैयार करने के दृष्टिकोण से प्रेरित किया, और छात्रों और शिक्षकों से अपने वैज्ञानिक प्रयासों में उच्च लक्ष्य रखने का आग्रह किया। एमवी ढेकाणे ने अपने मुख्य भाषण में उपस्थित लोगों को भारत के अंतरिक्ष मिशनों की यात्रा से अवगत कराया और इसरो के अन्वेषण प्रयासों के अतीत, वर्तमान और भविष्य के बारे में विस्तार से बताया। ढेकाणे ने विफलताओं से सीखने के महत्व और भविष्य के मिशनों में सफलता सुनिश्चित करने के लिए समीक्षा तंत्र के महत्व पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में शूलिनी विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शोधकर्ताओं को 2023 में अनुसंधान में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जैव प्रौद्योगिकी विभाग के अनुसंधान विद्वानों ने भी अपने शोध कार्यों पर प्रस्तुतियां दीं। शूलिनी विश्वविद्यालय में अनुसंधान और विकास के डीन प्रो. सौरभ कुलश्रेष्ठ ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर अनुसंधान उपलब्धियों को पहचानने के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रो. कुलश्रेष्ठ ने कहा कि, सही सहयोग से कोई भी शोधकर्ता बन सकता है। अपनी समापन टिप्पणी में, प्रोफेसर कुलश्रेष्ठ ने इसरो के योगदान और उपलब्धियों पर अपनी अमूल्य अंतर्दृष्टि साझा करने के लिए श्री ढेकाने को धन्यवाद दिया।
** शिव तांडव गुफा में महाशिव पुराण कथा में किया शिव की महिमा का गुणगान ** कहा, योग और ध्यान के लिए इंद्रियों को वश में करना अति आवश्यक शिव तांडव गुफा कुनिहार के प्रांगण में आयोजित 11 दिवसीय महाशिव पुराण कथा के तीसरे दिन आज कथावाचक आचार्य हेमंत भारती ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया। शिव भगवान अपने सभी भक्तों की मनोकामना अवश्य पूर्ण करते हैं। कथा प्रसंग को आगे बढ़ाते हुए कथावाचक ने बताया कि शिव ब्रह्मांड के कण-कण में विद्यमान हैं। शिव की महिमा असीमित, अकल्पनीय एवं अकथनीय है। भगवान शिव इस धरा के कण-कण में विद्यमान हैं, उन्हें सिर्फ उनके भक्त अंतर्दृष्टि से ही देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि योग व ध्यान के लिए इंद्रियों को वश में करना अति आवश्यक है। वहीं, कथा के बारे में जानकारी देते हुए शिव तांडव गुफा विकास समिति कुनिहार के अध्यक्ष राम रतन तनवर ने बताया कि 8 मार्च को महाशिवरात्रि का आयोजन होगा एवं 9 मार्च को शिव तांडव गुफा में सभी भक्तजनों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी शिव भक्तों से प्रतिदिन इस कथा का श्रवण करने का आह्वान किया।
डॉ. सुमेर सिंह के मार्गदर्शन में नीरज ठाकुर और विक्रम कुमार के साथ पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर और सुबाथू दोनों शाखाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले बारहवीं कक्षा के 18 छात्रों ने एमयू 20 लीडरशिप एंड एडवेंचर पर आधारित चार दिवसीय बूटकैंप कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह कैंप हाल ही में 21 से 24 फरवरी तक हाउस ऑफ लालपुर पंजाब में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व कौशल को बढ़ाना था। कार्यक्रम बूटकैंप कार्यशालाओं और गतिविधियों की एक श्रृंखला पर आधारित था, जिसमें कार्यकारी उपस्थिति, टीम वर्क के महत्व और स्कूल संदर्भ में नेतृत्व पर आयोजित किए गए, जो युवा प्रतिभागियों को आवश्यक नेतृत्व अंतर्दृष्टि और कौशल के साथ सशक्त बनाने के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए थे। इसके अतिरिक्त, छात्रों को स्थानीय इतिहास और कृषि पद्धतियों की जानकारी दी गई तथा साथ-साथ खेतों और बगीचों का भ्रमण करवाया गया, जहां उन्होंने डॉ. सुमेर सिंह और जसमेर सिंह के साथ आलू की कटाई में सक्रिय रूप से भाग लिया। जसमेर सिंह के नेतृत्व में बसाली के एक निजी जंगल की साहसिक यात्रा और सतलुज नदी पर एक रोमांचक मोटरबोट की सवारी भी प्रतिभागियों के लिए रोमांचक रही। पूरे बूटकैंप के दौरान, भू-राजनीति और आकर्षक राजव्यवस्था परियोजना पर डॉ. सुमेर सिंह की ज्ञानवर्धक बातचीत ने छात्रों के अनुभव को और भी समृद्ध किया। कैंप का समापन सतलुज नदी पर एक यादगार कयाकिंग के साथ हुआ।
अपनी उपलब्धि में एक और उपलब्धि हासिल करते हुए, शूलिनी विश्वविद्यालय को निवेश पर सबसे मजबूत रिटर्न देने वाले विश्वविद्यालयों में देश में नंबर एक और दुनिया भर में चौथे नंबर पर स्थान दिया गया है। प्रतिष्ठित टाइम्स हायर एजुकेशन (टीएचई) द्वारा दुनिया भर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के फंडिंग इनपुट के सापेक्ष सर्वोत्तम परिणामों के लिए अपने विश्लेषण बैंग फॉर बक के तहत विश्व रैंकिंग जारी की गई है। टीएचई टीम की डेटा टीम ने संगठन के पास पहले से ही उपलब्ध संख्याओं और डेटा को खंगालने के बाद एक ज्ञानवर्धक बैंग फॉर बक विश्लेषण तैयार किया। वैश्विक उच्च शिक्षा पर अपने पास मौजूद लाखों डेटा बिंदुओं के आधार पर, डेटा वैज्ञानिकों ने तीन आय मेट्रिक्स-संस्थागत आय, अनुसंधान आय और उद्योग आय-का उपयोग करके रैंकिंग में प्रत्येक संस्थान को एक अंक दिया है और उनकी तुलना अनुसंधान के शिक्षण और उद्योग के साथ काम के लिए स्कोर के साथ की गयी है। फ्रांस में स्थित सोरबोन यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिट पेरिस साइट इस सूची में शीर्ष पर हैं, जबकि यूके के ब्राइटन और ससेक्स मेडिकल स्कूल को तीसरा स्थान मिला है। शूलिनी विश्वविद्यालय, जिसे दुनिया भर में चौथा स्थान मिला था, ने देश के सभी विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में शीर्ष स्थान हासिल किया है। गौरतलब है कि प्रसिद्ध लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस श्रेणी में विश्व स्तर पर पांचवें स्थान पर है। चांसलर प्रोफेसर पीके खोसला ने इस उपलब्धि के लिए फैकल्टी और शोध्कर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की ऐसी स्थिति आश्चर्यजनक नहीं है क्योंकि इसकी स्थापना और संचालन शिक्षाविदों द्वारा किया गया था। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय एक गैर-लाभकारी संस्थान है और मुनाफा कमाना कभी भी हमारा उद्देश्य नहीं रहा। कुलपति प्रो. अतुल खोसला ने कहा कि वैश्विक रैंकिंग के स्वर्ण मानक टीएचई द्वारा रैंकिंग यह दर्शाती है कि कोई विश्वविद्यालय कितना कुशल है और वह अपने निवेश पर कितना रिटर्न देता है। उन्होंने कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि 14 साल पुराने विश्वविद्यालय ने यह उपलब्धि हासिल की है।
रूसी विज्ञान अकादमी, मॉस्को और मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी, मॉस्को, रूस के एक वैज्ञानिक प्रतिनिधिमंडल ने वैज्ञानिक उन्नति के उद्देश्य से डीएसटी द्वारा वित्त पोषित भारत-रूसी संयुक्त अनुसंधान परियोजना के तहत सहयोग के लिए शूलिनी विश्वविद्यालय परिसर का दौरा किया। टीम का नेतृत्व रूसी विज्ञान अकादमी, मॉस्को के उच्च तापमान के संयुक्त संस्थान में प्रयोगशाला के प्रमुख प्रोफेसर मिखाइल व्लास्किन और प्रोफेसर किसेलेवा सोफिया मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी, मॉस्को, रूस इसके अलावा प्रोफेसर विनोद कुमार, प्रमुख खाद्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग ग्राफिक एरा फूड टेक्नोलॉजी के प्रोफेसर पंकज कुमार चौहान ने अनुसंधान उत्कृष्टता और नवाचार पर सहयोग करने के लिए उनका स्वागत किया। यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शूलिनी विश्वविद्यालय के नेतृत्व के साथ सार्थक बातचीत की, जिसमें चांसलर प्रोफेसर पीके खोसला, कुलपति प्रोफेसर अतुल खोसला, प्रो-चांसलर विशाल आनंद और शूलिनी विश्वविद्यालय में नवाचार और शिक्षण के निदेशक आशीष खोसला शामिल थे। एप्लाइड साइंसेज और बायोटेक्नोलॉजी संकाय के डीन। उन्होंने स्कूल ऑफ बायोइंजीनियरिंग एंड फूड टेक्नोलॉजी के प्रमुख और अन्य वरिष्ठ संकाय सदस्यों से भी मुलाकात की। इन चर्चाओं ने विभिन्न अनुसंधान क्षेत्रों में अंतर्दृष्टि और विशेषज्ञता साझा करने, अकादमिक संवाद को समृद्ध करने और भविष्य के संयुक्त प्रयासों की नींव रखने के लिए एक मंच प्रदान किया। यह वैज्ञानिक यात्रा अकादमिक चर्चा को बढ़ाने और सीमाओं के पार ज्ञान को आगे बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए महत्वपूर्ण है। प्रोफेसर पंकज कुमार चौहान ने कहा, विभिन्न विषयों और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के विशेषज्ञों को एक साथ लाकर, शूलिनी विश्वविद्यालय और उसके रूसी समकक्षों ने अनुसंधान और शिक्षा में वैश्विक साझेदारी के लिए एक मिसाल कायम की है।
** मुख्य अरण्यपाल से की शिकायत, लगाए गंभीर आरोप ** वन मंडलाधिकारी ने सभी आरोपों को बताया निराधार ** मुख्य अरण्यपाल बोले, यह कोई बड़ा मसला नहीं वन मंडल कुनिहार के कर्मचारियों ने वन मंडल अधिकारी की कार्यप्रणाली से नाखुश होकर इसकी लिखित शिकायत मुख्य अरण्यपाल वन वृत्त बिलासपुर से की है। शिकायत पत्र में कर्मचारियों ने वन मंडल अधिकारी की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत पत्र के माध्यम से कर्मचारियों ने कहा है वन मंडलाधिकारी ने सारे स्टाफ को तंग करके रखा है। न तो इनका स्टाफ के साथ व्यवहार ठीक है और न ही इनकी कार्यप्रणाली। आए दिन स्टाफ के साथ गाली-गलौज व दुर्व्यवहार करते रहते हैं। अधिकारी कर्मियों को नियमों के खिलाफ कार्य करने के लिए मजबूर करते हैं और न करने पर दुर्व्यवहार करते हैं, जिस कारण कार्यालय का माहौल हर समय तनावपूर्ण बना रहता है। वहीं, जब इस बारे में वन मंडलाधिकारी से बात की गई तो उन्होंने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कर्मचारियों को काम के लिए तो कहना ही पड़ता है। जब इस मामले में मुख्य अरण्यपाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस पत्र को लेकर डीएफओ कुनिहार से बात हुई है, यह कोई बड़ा मसला नहीं है।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने बताया कि कंपनी के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत सभी को गुणवत्तापूर्वक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के दिशा में आगे बढ़ते हुए विवेकानंद नेत्रालय आई हॉस्पिटल देहरादून के नए ऑपरेशन थिएटर के लिए जीस माइक्रोस्कोप मॉडल ओपीएमआई लुमेरा 700 मशीन प्रदान की है। जे. बेहेरा, निदेशक (वित्त) ने 24 फरवरी को मशीन का उद्घाटन किया, जो टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की सामाजिक जिम्मेदारी और विजन को सार्वभौमिक स्वास्थ्य सेवा तक पहुंचाने की दृढ़ संकल्पना को दर्शाता है। विश्नोई ने जीवन में अच्छे स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक सामाजिक रूप से जिम्मेदार संगठन के रूप में, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड निरंतर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा की चुनौतियों का सामना करने के लिए विभिन्न सीएसआर पहलुओं के माध्यम से प्रयासरत है। इसमें टिहरी जिले के दीन गांव में हंस फाउंडेशन के माध्यम से एक एलोपैथिक डिस्पेंसरी कासंचालन, सीमा डेंटल कॉलेज ऋषिकेश; एम्स, ऋषिकेश; और निर्मल आश्रम नेत्रालय, ऋषिकेश के साथ स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना आदि शामिल है। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड जिला स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा अनुरोध किये जाने पर समय-समय पर विभिन्न चिकित्सा वस्तुएं और उपकरण प्रदान करके राज्य सरकार के स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे का समर्थन भी करता है। उद्घाटन समारोह के दौरान जे. बेहेरा ने बताया कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने अपनी सीएसआर योजना के अंतर्गत विवेकानंद अस्पताल, देहरादून के लिए ज़ीस माइक्रोस्कोप मॉडल ओपीएमआई लुमेरा 700 की खरीदारी के लिए 1.25 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की । इसका उद्देश्य उत्तराखंड के दूरदराज क्षेत्रों में बसे समुदायों और उत्तम स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित व्यक्तियों को सर्वोत्तम श्रेणी की नेत्र देखभाल सुविधाएं प्रदान करना है 7 उत्तराखंड के साथ-साथ इसमें उत्तर प्रदेश के कई जिले जैसे बिजनौर, शामली, मुजफ्फरनगर, और सहारनपुर आदि भी शामिल हैं। यह नई मशीन नेत्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए एक वरदान के रूप में कार्य करेगी, जिससे मोतियाबिंद सर्जरी, ग्लूकोमा उपचार, रेटिना सर्जरी, और कॉर्निया प्रत्यारोपण जैसे उच्च गुणवत्ता के उपचार और प्रक्रियाएंभी संभव हैं। टीएचडीसी अपने सामाजिक उत्तरदायित्व को पूर्ण करते हुए उत्तराखंड के पहाड़ी समुदायों के लिए आंखों की बीमारियों का समाधान करने, स्वास्थ्य संबंधित सुविधाएं कम लागत में उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है। उद्घाटन समारोह के दौरान अमरदीप, महाप्रबंधक तथा टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड व विवेकानंद नेत्रालय अस्पताल, देहरादून के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
** स्वास्थ्य मंत्री ने साधुपुल में तटीकारण कार्य की रखी आधारशिला ** कहा, प्रथम किस्त के रूप में 1.18 करोड़ की राशि कर दी है जारी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि सोलन जिला के साधुपल क्षेत्र में चार करोड़ की लागत से अश्वनी खड्ड का तटीकरण किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री गत सायं साधुपुल में अश्वनी खड्ड पर तटीकारण कार्य की आधारशिला रखने के उपरांत पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं अन्य के साथ विचार-विमर्श कर रहे थे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में तटीकारण कार्य के लिए प्रथम किस्त के रूप में 1.18 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी गई है। डॉ. शांडिल ने कहा कि क्षेत्र में अश्वनी खड्ड के तटीकरण से जहां समूचा क्षेत्र जलीय आपदा से सुरक्षित होगा, वहीं विभिन्न गतिविधियों को संबल भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में आपदाओं से होने वाली क्षति को न्यून करने के लिए योजनाबद्ध कार्य कर रही है। उन्होंने सभी को विश्वास दिलाया कि क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों को चरणबद्ध आधार पर पूरा किया जाएगा। साधुपुल बाजार के सिंकिंग जोन में 1.50 करोड़ से बनेंगे डंगे उन्होंने कहा कि साधुपुल बाजार में सिंकिंग जोन में भी लगभग 1.50 करोड़ रुपए की लागत से लोक निर्माण विभाग द्वारा सुरक्षा के लिए डंगे निर्मित किए जाएंगे। इससे साधुपुल बाजार की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और इनके त्वरित निपटारे का आश्वान दिया।
भारतीय राज्य पेंशनर्स संघ जिला सोलन की कार्यकारिणी की बैठक कुनिहार के एवर ग्रीन होटल में जिला अध्यक्ष बाबूराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व कर्मचारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष घनश्याम शर्मा रहे। बैठक में जिला व अन्य इकाइयों के पदाधिकारी व सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में पेंशनर्स संघ के अध्यक्ष जयदेव शर्मा, महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर, कुनिहार विद्युत पेंशनर संघ के अध्यक्ष डीआर चौहान, ओम प्रकाश भारद्वाज, पथ परिवहन संघ के प्रदेश संयोजक गुलाब सिंह धीमान, शान्ति स्वरूप, प्रदेश सचिवालय संघ के मदन शर्मा, भूपराम वर्मा, मुंशी राम , विद्या गर्ग, कंचन माला,विश्व विद्यालय संघ से एमएल भारद्वाज व अन्य संगठनों से दो सौ सदस्यों ने भाग लिया। मुख्यातिथि ने पेंशनर्स महासंघ के द्वारा पूर्व सरकार के समय में आयोजित करवाई गई जेसीसी की बैठक में पेंशनरों को 5,10,15 प्रतिशत के दिलाए गए वित्तीय लाभों के बारे में अवगत करवाया। इसके बाद कुनिहार शहर में बैनरों के साथ नारेबाजी करते हुए सरकार के विरुद्ध रोष रैली निकाल सभा का आयोजन किया, जिसमें सरकार से समय रहते वेतनमानों की बकाया राशि, महंगाई भत्ते की बकाया किस्तों का एक मुश्त भुगतान करने की मांग की और सरकार को चेताया की यदि इन मांगों को शीघ्र ही पूरा नहीं किया गया तो अपने अन्य सहयोगी संगठनों के साथ समन्वय समिति बनाकर पूरे प्रदेश में सरकार के विरुद्ध संघर्ष शुरू कर दिया जाएगा।
** कहा, इस बार शिक्षा बोर्ड की मेरिट में स्कूल के दो छात्रों ने पाया स्थान ** प्रधानाचार्य बोले, अभिभावकों व अध्यापकों के मार्गदर्शन से ही संवरता है बच्चों का भविष्य एसवीएन वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में आज आम सभा का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता विद्यालय अध्यक्ष टीसी गर्ग ने की। मंच का संचालन करते हुए रामेश्वर ठाकुर ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आम सभा में पधारने के लिए धन्यवाद व स्वागत किया। विद्यालय अध्यक्ष टीसी गर्ग ने अपने संभाषण में अभिभावकों को विद्यालय की गतिविधियों, उपलब्धियों और सुविधाओं के बारे में बताया तथा आगामी सत्र 2024/25 में होने वाली सभी गतिविधियों से अवगत करवाया। साथ ही बताया कि इस विद्यालय में बच्चे पढ़ाई के क्षेत्र में ही नहीं, अपितु एनएसएस व स्काउट एंड गाइड खेलकूद आदि में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड की मेरिट में स्कूल के दो छात्रों ने 10वां व 11वां स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने अभिभावकों को विद्यर्थियों को दी जाने वाली छात्रवृत्तियों से भी अवगत करवाया। वहीं, विद्यालय प्रधानाचार्य पद्मनाभम ने विद्यालय में दी जा रही सुविधाओं के लिए विद्यालय के सभी अध्यापकों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि माता-पिता व अध्यापकों के मार्गदर्शन से बच्चों का भविष्य संवरता है, इसलिए अभिभावकों को अपने बच्चों को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देनी चाहिए। वहीं, विद्यालय निदेशक लुपीन गर्ग ने आम सभा में आने वाले सभी अभिभावकों का अभिवादन किया। उन्होंने अभिभावकों को सकारात्मक सोच रखने की प्रेरणा दी और समय-समय पर साथ देने के लिए अभिभावकों का धन्यवाद किया। इस बैठक में लगभग 300 अभिभावकों ने भाग लिया। आम सभा में सभी अभिभावकों ने भी अपने अपने विचार साझा किए।
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में शिमला डेवलपमेंट प्लान की तर्ज पर 59 शहरी निकायों के लिए नया डेवलपमेंट प्लान प्लान बनेगा। इस पर विधानसभा में भी विस्तृत चर्चा हुई है। राज्य में प्राकृतिक आपदा से सबक लेते हुए सरकार इस पर योजना तैयार कर रही है। माना जा रहा कि प्राकृतिक आपदा में जो मकान गिरे व क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनका मुख्य कारण स्ट्रक्चर डिजाइन और इंजीनियरों से सलाह न लिया जाना है। ऐसे में प्रदेश की कांग्रेस सरकार डेवलपमेंट प्लान के तहत ही शहरी निकायों में भवन निर्माण करने पर विचार कर रही है। टीसीपी मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि राज्य में प्लान के साथ भवन के निर्माण की जरूरत है। शिमला में तीन से पांच मंजिला तक भवन बनाने को अनुमति बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने शिमला प्लानिंग एरिया में तीन से पांच मंजिला तक भवन बनाने को अनुमति दी है। जहां पांच मीटर सड़क है, वहां लोग पांच मंजिला तक भवन निर्माण कर सकते हैं, जबकि जहां सड़क नहीं है, वहां दो मंजिला भवन और एटिक का निर्माण किया जा सकता है। सरकार ने एटिक की ऊंचाई भी 10 फुट के करीब कर दी है। यानी इसको लेकर लोगों को तीन मंजिलें मिल रही हैं। प्रदेश में 59 शहरी निकाय हैं।
** सोलन में राज्य स्तरीय ईट राईट मिलेटस मेला-2024 आयोजित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित आहार आवश्यक है और भारत तथा हिमाचल प्रदेश में पाए जाने वाले मोटे अनाज संतुलित आहार का मुख्य स्त्रोत हैं। डॉ. शांडिल आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय ईट राईट मिलेटस मेला की अध्यक्षता कर रहे थे। मेले का आयोजन स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन निदेशालय सोलन द्वारा किया गया। डॉ. शांडिल ने कहा कि हमारे देश और प्रदेश की जलवायु ज्वार, बाजरा, रागी, कोदा, मडुआ, सावां जैसे मोटे अनाजों के उत्पादन के लिए सर्वथा उपयुक्त है। उन्होंने कहा कि मोटे अनाज न केवल भरपूर ऊर्जा का स्त्रोत हैं अपितु इनके उत्पादन में भूमि की उर्वरा शक्ति भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि मोटे अनाजों के उत्पादन में जल का उपयोग भी काफी कम होता है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मोटे अनाज हमारी लगभग सभी पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम हैं। इसीलिए इन्हें 'सुपर फूडÓ के नाम से भी जाना जाता है। मोटे अनाज मानव शरीर की पाचन प्रणाली के अनुरूप हैं। उन्होंने कहा कि इन अनाजों के प्रयोग से हम वर्तमान समय के अनेक रोगों से बचे रह सकते हैं। डॉ. शांडिल ने कहा कि विश्व के अनेक देश धीरे-धीरे मोटे अनाजों की उपयोगिता समझ रहे हैं और इनका उत्पादन समय के साथ आर्थिक रूप से भी बेहतर बनेगा। उन्होंने कहा कि सभी मोटे अनाजों को लंबे समय तक बिना किसी रसायन के उपयोग के ठीक रखा जा सकता है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आयुर्वेद हमें ऋतु चक्र के अनुसार भोजन का परामर्श देता है और मोटे अनाज इस आवश्यकता को पूर्ण करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के भागदौड़ के जीवन और जंक फूड पर निर्भरता से हम विभिन्न बीमारियों की ओर बढ़ रहे हैं। इनसे बचाव के लिए स्वस्थ जीवन शैली और संतुलित आहार-विहार आवश्यक है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि देश व प्रदेश में पारम्परिक रूप से उगाये जा रहे मोटे अनाजों को नियमित रूप से अपने भोजन में सम्मिलित करें। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य एवं भावी पीढ़ियों की सुरक्षा के लिए मोटे अनाज का उपयोग जरूरी है। उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा मोटे अनाज की उपयोगिता विषय पर स्थापित प्रदर्शनियों का शुभारम्भ एवं अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शित उत्पादों में गहरी रूचि दिखाई। डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर ईट राईट मिलेटस मेला हस्ताक्षर पट्ट पर हस्ताक्षर भी किए। उन्होंने इस अवसर पर आयोजित बेबी शो प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष घोषित किया ताकि सभी सही खान-पान की उपयोगिता समझ सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी इस दिशा में सघन प्रयास कर रही है। राज्य स्तरीय ईट राईट मिलेटस मेला-2024 के अवसर पर वॉकाथॉन, स्लो साइकिलिंग, प्रश्नोत्तरी, चित्रकारी, रस्सा-कशी, नारा लेखन और शेफ रेसिपी इत्यादि प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई।
** खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गुलशन ग्रोवर के हाथों से मिला पुरस्कार जिला कांगड़ा के पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के चंदपुर पंचायत के एक छोटे से गांव के रजत कपूर अपने खेल प्रतिभा का दुनिया भर में लोहा मनवा चुके हैं। रजत कपूर पिछले 10 वर्षों से पावरलिफ्टिंग कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश और देश के लिए बहुत से मेडल जीते हैं। रजत कपूर अभी हाल ही में दुबई में हुई वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में इंडिया टीम की तरफ से खेले थे, जिसमें उन्होंने अपनी श्रेणी में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था। खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बॉलीवुड एक्टर गुलशन ग्रोवर के हाथों उन्हें हिमालयन श्री अवॉर्ड पुरस्कार मिला है। इस बारे में जब अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रजत कपूर से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि यह इस सफलता के पीछे उनकी माता सविता देवी, पिता राजीव कपूर और गुरु जीवन कुमार का हाथ है। अभी तक खेलों में जीतने भी मेडल जीते हैं, ये उनके मार्गदर्शन में ही जीते हैं। बता दें कि हिमालयन श्री अवॉर्ड का आयोजन हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी एनजीओ आशा किरण संस्थान घुमारवीं द्वारा किया गया था। रजत कपूर इससे पहले भी शान ए भारत, राष्ट्र गौरव सम्मान, जश्न ए धमाका, स्माइल अवार्ड, हिमाचल प्रशंसा अवॉर्ड, शान ए कांगड़ा जैसे कई अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके हैं।
ज्ञानंदा लाइब्रेरी द्वारा 16 फरवरी से 22 फरवरी तक नशे के खिलाफ विभिन्न पहलें करवाई गईं। प्रथम पहल में सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को एक स्पर्धा के द्वारा ड्रग्स व नशीली चीजों का सेवन न करने के लिए जागरूक किया गया। सोशल मीडिया के माध्यम से जिन लोगों ने बेहतर ढंग से नशे व ड्रग्स के नुकसानों बारे लोगों को जागरूक किया, इनमें योगेश शर्मा, कविता शर्मा, राजील, बबली, अंकुश एवं ट्विंकल चौहान को 6000 रुपये की राशि इनाम के तौर पर दी गई। दूसरी पहल के तहत 20 फरवरी को मॉल रोड सोलन में ड्रग्स का सेवन न करने के लिए रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बहुत से युवाओं ने भाग लिया। तीसरी पहल के तहत 21 और 22 फरवरी को जिला भाषा कार्यालय कोठो, सोलन में एक प्रश्नोत्तरी कराई गई। इस प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के तौर पर अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव थे। इस प्रतियोगिता में 20 टीमों ने भाग लिया। इनमें से सिर्फ पांच टीमें फाइनल के लिए चयनित हुईं। प्रश्नोत्तरी में विजिन एनजीओ ने प्रथम स्थान पर रहते हुए 15300 रुपये नकद और ट्रॉफी प्राप्त की। इस टीम में योगेश शर्मा, राहुल शर्मा, नेहा सोहटा थे। वहीं, द्वितीय स्थान पर ब्रेनआइएक्स टीम रही, जिसे इनाम के रूप में 9300 रुपये और ट्रॉफी मिली। तृतीय स्थान पर द वॉरिअर टीम रही, जिसे 6300 रुपये व ट्रॉफी बतौर इनाम हासिल हुए।
जूलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (जेडएसआई) और इंडियन साइंस कांग्रेस एसोसिएशन चंडीगढ़ चैप्टर के सहयोग से, शूलिनी विश्वविद्यालय में स्कूल ऑफ बायोलॉजिकल एंड एनवायर्नमेंटल साइंसेज, विज्ञान संकाय द्वारा सतत विकास के लिए तकनीकी प्रगति जैव विविधता संरक्षण की ओर विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। । यह सम्मेलन जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास की चुनौतियों से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति को चिह्नित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन का उद्घाटन आज प्रो. आरसी द्वारा किया गया। प्रो. सोबती के साथ चांसलर प्रो. पीके खोसला, प्रो-चांसलर विशाल आनंद, निदेशक योजना शूलिनी विश्वविद्यालय प्रो. जेएम जुल्का, रजिस्ट्रार शूलिनी विश्वविद्यालय प्रो. सुनील पुरी, और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे । अपने उद्घाटन भाषण में प्रो. आरसी सोबती पंजाब विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति ने जैव विविधता संरक्षण और स्थिरता की महत्वपूर्ण आवश्यकता पर जोर दिया। प्रोफेसर धीर सिंह निदेशक, आईसीएआर-एनडीआरआई, करनाल, भारत सम्मेलन के मुख्य अतिथि ने सभा को संबोधित किया और क्रॉस-किंगडम कम्युनिकेशन और एपिजेनेटिक्स पर अपने विचार साझा किए, इसके बाद कार्यक्रम पुस्तक/स्मारिका का अनावरण किया गया। शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अतुल खोसला ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका पर जोर दिया और संदेश दिया कि मूल्यों के बिना विज्ञान और सफलता का कोई मतलब नहीं है। प्रोफेसर बीएन पांडे अध्यक्ष, जेडएसआई ने सभा को संबोधित किया और खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य सुरक्षा और ऊर्जा सुरक्षा के लिए जैव विविधता संरक्षण के महत्व को समझाया। विज्ञान कांग्रेस एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर वी. लक्ष्मी सक्सेना ने जैव विविधता संरक्षण में नवाचार और प्रौद्योगिकी की भूमिका पर प्रकाश डाला। शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. पीके. खोसला ने सम्मेलन के उद्देश्यों को साझा किया और मात्रा, परस्पर संबंधित विज्ञान, अध्यात्मवाद और योग पर गुणवत्ता अनुसंधान के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रोफेसर कमल जयसवाल महासचिव, जेडएसआई ने प्रोफेसर पीके खोसला और प्रो. आरसी सोबती को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। प्रो. आरसी सोबती ने मानद सदस्यों डॉ. धीर सिंह, प्रोफेसर बीएन पांडे, प्रो. अशोक सक्सैना, प्रो. जेएस बंसल, प्रो. वी. लक्ष्मी, डॉ. कमल जसवाल, डॉ. वी. वासुदेव, डॉ. आईके पाई, डॉ. फैयाज अहमद, डॉ. एमसी सिद्धू हिमालयन फोरम फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी के नामों की घोषणा की। पूर्ण सत्र में डॉ. धीर सिंह ने म्यू-वेसोम और दवा वितरण और निदान में दूध एक्सोसोम की क्षमता पर अपना अभूतपूर्व शोध प्रस्तुत किया। पंजाब विश्वविद्यालय के डॉ. आनंद एन. सिंह ने जैव विविधता और इसके अनिवार्य संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। भारत भर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों ने स्थिरता और संरक्षण पर एक बहु-विषयक संवाद को बढ़ावा देते हुए अपना शोध प्रस्तुत किया। पहले दिन का समापन एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ, जिसमें शूलिनी विश्वविद्यालय के छात्रों ने हिमाचल प्रदेश और पंजाब की समृद्ध विरासत का जश्न मनाते हुए प्रदर्शन किया।
बिजली बोर्ड पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की कुनिहार सब इकाई की त्रैमासिक बैठक मुख्य सलाहकार ओपी भारद्वाज की अध्यक्षता में एक निजी होटल में हुई। बैठक की कार्यवाही का संचालन महासचिव पीआर कश्यप ने किया। महासचिव ने सभी नये सदस्यों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इस बैठक में विशेष रूप से सेवानिवृत्त मुख्य नियंत्रक वित्त एवं लेखे (हिमाचल सचिवालय) एमआर पाठक उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न मुद्दों व समस्याओं को लेकर विचार-विमर्श किया। इस दौरान बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी अपनी समस्याओं के बारे में अवगत करवाया व बोर्ड प्रबंधन वर्ग से इनके समाधान के लिए आग्रह किया कि 01-01-2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के देय सेवा लाभ जैसे संशोधित पेंशन, ग्रेच्यूटी व बकाया राशि का भुगतान शीघ्र अति शीघ्र किया जाए। बैठक में बिजली बोर्ड पेंशनरों ने बड़ी संख्या में शिरकत की और अपने अपने विचार विभिन्न पेंशन मुद्दों पर रखे तथा सभी सदस्यों ने इस सब इकाई द्वारा किए गए कार्यों की भरपूर प्रशंसा की। वहीं, इकाई के प्रधान डीआर चौहान ने भी सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया तथा अलग-अलग समय में पेंशनरों के लिए किए गए कार्यों से अवगत करवाया। इस कार्यक्रम के दूसरे चरण में मुख्य सलाहकार ओपी भारद्वाज व महासचिव पीआर कश्यप ने बताया कि इस कार्यकारिणी का गठन 18 जनवरी, 2022 को किया गया था, जिसमें डीआर चौहान को अध्यक्ष और पीआरकश्यप को महासचिव चुना गया था। क्योंकि चुनाव हुए 2 साल से अधिक समय हो चुका है। इसलिए प्रधान डीआर चौहान द्वारा सब इकाई कुनिहार कार्यकारिणी को भंग किया तथा एमआर पाठक, प्रेमचंद ग्रेवाल, रामस्वरूप ठाकुर तथा कामेश्वर तनवार को नई कार्यकारिणी का चुनाव करवाने के लिए नामित किया। सभी उपस्थित सदस्यों की सहमति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया व फिर से इकाई की कमान इजि. डीआर चौहान को सौंपी गई है, जबकि वरिष्ठ उपप्रधान के पद पर जगदीश चंदेल को तैनाती दी गई। वहीं, ओपी भारद्वाज मुख्य सलाहकार, प्रेम चंद ग्रेवाल सलाहकार, पीआर कश्यप को महासचिव एवं वित्त सचिव, इजि. जोगिंद्र सिंह, इजि. रामस्वरूप ठाकुर एवं स्वर्ण सिंह उप प्रधान, सतपाल शर्मा प्रेस सचिव, मेहर चंद ठाकुर कैशियर व नंद लाल सह कैशियर चुने गए। कार्यकारिणी में प्रभु राम चौधरी, कामेश्वर तनवार, अतर सिंह सहगल, सुरेश कुमार, रामदिया गर्ग, जगदीश चंद शर्मा, कुलदीप भारद्वाज एवं ओम प्रकाश गर्ग को कार्यकारिणी में सदस्य नामित किया गया। इस मौके पर सभी चयनित पदाधिकारियों व अध्यक्ष इंजि. डीआर चौहान द्वारा पद व गोपनियता की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान बैठक में उपरलिखित चयनित पदाधिकारियों के अलावा इजि एनसी भारद्वाज, तुलसी राम चंदेल, रतिराम कश्यप, दिल राम शर्मा, प्रेम लाल शर्मा, लायक राम भारद्वाज आदि बहुत संख्या में पेंशनर्स सदस्य मौजूद रहे।
** होनहार विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट से नवाजा जिला सोलन के अटल शिक्षा कुंज स्थित आईईसी यूनिवर्सिटी में वीरवार को छठा दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह का उद्घाटन आईईसी गान के साथ हुआ, जिसके बाद आईईसी विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रोफेसर (डॉ.) अशोक पुरी और अकादमिक समुदाय द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की पूजा की गई। समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के नियमानुसार हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय के गत वर्ष में उत्तीर्ण पीएचडी, एमफिल, स्नातकोत्तर तथा स्नातक छात्रों को डिग्री प्रदान की गई और विभिन्न संकायों के होनहार विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट से भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आईईसी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. (डॉ.) अशोक पुरी जी ने कहा कि आईईसी यूनिवर्सिटी द्वारा शोध कार्य एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। विश्वविद्यालय के 200 से अधिक पीएचडी शोधार्थी विभिन्न समस्याओं के समाधान के साथ-साथ सामाजिक विकास के लिए पेटेंट, पुस्तकों और शोध पत्रों के प्रकाशन के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शोध कर रहे हैं। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्राध्यापकों ने सभी डिग्री धारकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अर्जित विद्या का उपयोग लोकहित में करने की सीख दी। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव विनोद कुमार ने इस दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद किया और इस दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक डिग्री हासिल करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी।
** वित्त वर्ष 2023-24 की तुलना में 8.63 करोड़ रुपये अधिक लगी बोली प्रदेश राजस्व कर एवं आबकारी विभाग द्वारा वर्ष 2024-25 के लिए राजस्व जिला बद्दी के विभिन्न टोल टैक्स बैरियर की नीलामी 43.07 करोड़ रुपये में की गई है। नीलामी एवं निविदा प्रक्रिया बुधवार देर सायं संपन्न हुई। यह जानकारी आज राज्य कर एवं आबकारी विभाग के राजस्व जिला बद्दी के उप आयुक्त सोमदत्त शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने नीलामी प्रक्रिया की अध्यक्षता की। जिला आवंटन समिति में दक्षिण जोन के जोनल समाहर्ता विवेक चौहान, राज्य कर एवं आबकारी विभाग के संयुक्त आयुक्त उज्जवल सिंह राणा तथा वह स्वयं उपस्थित रहे। सोमदत्त शर्मा ने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 के लिए राजस्व जिला बद्दी के विभिन्न टोल टैक्स बैरियर की नीलामी से वित्त वर्ष 2023-24 की तुलना में 8.63 करोड़ रुपये अधिक प्राप्त हुए हैं। गत वर्ष इस नीलामी से 34.44 करोड़ रुपए प्राप्त हुए थे। वर्ष 2024-25 के लिए राजस्व ज़िला बद्दी के टोल टैक्स बैरियर नीलामी प्रक्रिया से गत वर्ष की तुलना में 25.05 प्रतिशत की बढ़ौतरी हुई है। उप आयुक्त ने कहा कि वर्ष 2024-25 के लिए बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ के 12 टोल टैक्स बैरियर, नीलामीकर्ता जतिन्द्रा ऐसोसिएटस को प्राप्त हुए। नीलामी प्रक्रिया में कुल 3 नीलामीकर्ताओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि नीलामी प्रक्रिया में राजस्व जिला बद्दी के बद्दी एवं बरोटीवाला तथा ढेरोवाल इकाईयों की नीलामी हुई। उन्होंने कहा कि ढेरोवाल इकाई के 06 टोल टैक्स बैरियर की नीलामी से वर्ष 2024-25 में कुल 17.75 करोड़ रुपए प्राप्त हुए। यह गत वर्ष की तुलना में 40 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023-24 में ढेरोवाल टोल टैक्स बैरियर इकाई की नीलामी 12.72 करोड़ रुपए में हुई थी। सोमदत्त शर्मा ने कहा कि वर्ष 2024-25 के लिए बद्दी एवं बरोटीवाला टोल टैक्स बैरियर इकाई की नीलामी से 25.32 करोड़ रुपए प्राप्त हुए। यह गत वर्ष की नीलामी से 16 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023-24 में बद्दी एवं बरोटीवाला के 06 बैरियर की नीलामी से 21.72 करोड़ रुपए प्राप्त हुए थे। उप आयुक्त ने कहा कि बद्दी एवं बरोटीवाला टोल टैक्स बैरियर इकाई के तहत बद्दी, झाड़माजरी रोड वाया सन सिटी, बरोटीवाला, गोरखनाथ मंदिर (गोरखनाथ-शाहपुर रोड़), कालुझण्डा तथा रामपुर जग्गी (ट्रक यूनियन बरोटीवाला) सम्मिलित हैं। उन्होंने कहा कि बद्दी एवं बरोटीवाला टोल टैक्स बैरियर इकाई की वर्ष 2024-25 की नीलामी के लिए आरक्षित मूल्य 23 करोड़ 89 लाख 20 हजार 10 रुपए निर्धारित किया गया था। उन्होंने कहा कि ढेरोवाल टोल टैक्स बैरियर इकाई के तहत गुल्लरवाला, नवगांव, बघेरी, ढेरोवाल, दभोटा तथा रतयोड़ सम्मिलित हैं। उन्होंने कहा कि ढेरोवाल टोल टैक्स बैरियर इकाई की वर्ष 2024-25 की नीलामी के लिए आरक्षित मूल्य 13 करोड़ 99 लाख 20 हजार रुपए निर्धारित किया गया था। सोमदत्त शर्मा ने कहा कि राजस्व ज़िला बद्दी की दोनों टोल टैक्स बैरियर इकाई के लिए वर्ष 2024-25 में नीलामी के लिए आरक्षित मूल्य 37.88 करोड़ रुपए निर्धारित किया गया था। उन्होंने कहा कि यह टोल टैक्सी बैरियर प्रथम अप्रैल, 2024 से 31 मार्च, 2025 तक की समयसीमा के लिए नीलाम किए गए हैं।
शूलिनी यूनिवर्सिटी और जैल एजुकेशन ने विश्वविद्यालय में बीकॉम प्रोग्राम करने वाले छात्रों को एसोसिएशन ऑफ चार्टर्ड सर्टिफाइड अकाउंटेंट्स (एसीसीए) प्रमाणन प्रदान करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए, जैल एजुकेशन भारत का अग्रणी वित्त और अकाउंट्स एड-टेक प्लेटफॉर्म है। शूलिनी विश्वविद्यालय में प्रबंधन विज्ञान संकाय के अध्यक्ष और डीन प्रोफेसर मुनीश सहरावत और जैल एजुकेशन के सह-संस्थापक और निदेशक अनंत बेंगानी द्वारा समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के तहत, जैल एजुकेशन उच्च मान्यता प्राप्त एसीसीए प्रमाणन प्राप्त करने में रुचि रखने वाले छात्रों को उनकी डिग्री पूरी करने तक सहायता करेगा। यह एकीकृत दृष्टिकोण छात्रों को 9 छूट प्रदान करेगा, अध्ययन के दो वर्षों के समय की बचत करेगा और विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त प्रमाणन के साथ-साथ खातों और वित्त क्षेत्र में विश्व स्तरीय शिक्षा तक पहुंच प्रदान करेगा। इसके अतिरिक्त, यह सहयोग शूलिनी विश्वविद्यालय के साथ एक फिनटेक कार्यक्रम के शुभारंभ का प्रतीक है, जो इस क्षेत्र में एक भविष्य का पाठ्यक्रम है। एमओयू में बहुराष्ट्रीय निगमों के अनुभवी वित्त पेशेवरों के नेतृत्व में नामांकित छात्रों के लिए नियमित मास्टरक्लास भी शामिल हैं। ये मास्टरक्लास छात्रों को करियर की सफलता के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने में मदद करने के लिए उद्योग विशेषज्ञों से सीधे सीखने के अवसर और व्यावहारिक अंतर्दृष्टि प्रदान करेंगे। प्रोफेसर मुनीश सहरावत ने कहा कि हम अपने छात्रों को शीर्ष स्तर की शिक्षा और करियर के अवसर प्रदान करने में गर्व महसूस करते हैं। जैल एजुकेशन के साथ साझेदारी करके, हम छात्रों को स्नातक अध्ययन के साथ-साथ प्रतिष्ठित एसीसीए प्रमाणन अर्जित करने का मार्ग प्रदान कर रहे हैं। इससे हमारे छात्रों को एक अवसर मिलता है। विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त साख के साथ महत्वपूर्ण लाभ, जो उन्हें नौकरी बाजार में अलग करता है। हम सार्थक प्रभाव डालने के लिए आवश्यक कौशल, ज्ञान और योग्यता के साथ अगली पीढ़ी के बिजनेस लीडर तैयार करने के लिए समर्पित हैं। जैल एजुकेशन के सह-संस्थापक और निदेशक अनंत बेंगानी ने कहा, हम विश्व स्तरीय शिक्षा तक आसान पहुंच बनाने में दृढ़ता से विश्वास करते हैं जो छात्रों को उनके महत्वाकांक्षी करियर में मदद कर सकती है। यह सहयोग विशेष रूप से शूलिनी विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए उद्योग-मान्यता प्राप्त प्रमाणन के साथ अपनी डिग्री को अपग्रेड करने के अवसर की एक ओर एक बड़ा कदम है। हम शूलिनी के नवोन्वेषी दृष्टिकोण को मजबूत करने के लिए उत्साहित हैं और अपने प्रतिभाशाली छात्रों को आज के तेजी से विकसित हो रहे व्यावसायिक परिदृश्य में आगे बढ़ने के लिए कौशल और योग्यता से लैस करने के लिए तत्पर हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा सोलन ज़िला के नालागढ़ विकास खण्ड की ग्राम पंचायत बधोखरी के वार्ड संख्या 04 के लिए होने वाले उप निर्वाचन को स्थगित कर दिया गया है। उक्त पद के लिए निर्वाचन कार्यक्रम पुनः घोषित किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा यह निर्णय ग्राम पंचायत बधोखरी के वार्ड संख्या 04 के उप निर्वाचन में एक उम्मीदवार अमर सिंह की मृ*त्यु के कारण लिया गया है। इस सम्बन्ध में ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग को अवगत करवाया गया था कि उक्त उप निर्वाचन के लिए एक उम्मीदवार की 20 फरवरी को मृ*त्यु के कारण अब एक उम्मीदवार ही चुनाव मैदान में है। राज्य निर्वाचन आयोग ने तदोपरांत भारत के संविधान के अनुच्छेद 243 ट(k) तथा हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 160 एवं हिमाचल प्रदेश पंचायत राज (निर्वाचन) नियम 1994 के नियम 48 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए नालागढ़ विकास खण्ड की ग्राम पंचायत बधोखरी के वार्ड संख्या 04 के उप निर्वाचन को स्थगित कर दिया है।
लोकसभा चुनाव-2024 के दृष्टिगत आज सोलन ज़िला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए मास्टर स्तर के प्रशिक्षकों तथा सूचना प्रौद्योगिकी व्यवसायिओं के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय कुमार यादव ने की। अजय कुमार यादव ने कहा कि त्रुटिरहित एवं निष्पक्ष निर्वाचन के लिए निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदार सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का अपने-अपने कार्य की स्पष्ट एवं गहन जानकारी होना आवश्यक है। निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को दक्ष बनाने के लिए भारत के निर्वाचन आयोग द्वारा नियमित अंतराल पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के प्रशिक्षण कार्यक्रम में सोलन ज़िला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे। यह मास्टर ट्रेनर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित करेंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में सूचना प्रौद्योगिकी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सूचना प्रौद्योगिक व्यवासायिओं को भी आज यहां निर्वाचन प्रणाली में सूचना प्रौद्योगिकी भूमिका एवं प्रयोग विषय पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के लिए सभी नोडल अधिकारियों को अग्रणी और महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करना होता है, इसलिए सभी अधिकारी अपनी तैयारियां पूर्ण करें ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी समस्या का सामना न करना पड़े। अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी नोडल अधिकारियों को भारत के निर्वाचन आयोग के नवीनतम दिशा-निर्देशों के अध्ययन का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि दिशा-निर्देशों के पालन के लिए नियमों की स्टीक जानकारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भारत के निर्वाचन आयोग की वेबसाइट निरंतर देखते रहें। नायब तहसीलदार निर्वाचन दीवान सिंह ठाकुर ने इस अवसर पर प्रस्तुतिकरण के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यशाला की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षित मतदान के लिए आवश्यक संवेदनशील क्षेत्र चिन्हित करने के लिए निर्धारित नियमों की जानकारी दी। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के लिए नियुक्त किए जाने वाले अधिकारी, प्रशिक्षण एवं कार्य योजना पर भी बल डाला। उन्होंने मतदान पूर्व, मतदान दिवस एवं मतदान उपरांत किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यशाला में दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं के लिए मतदान केन्द्रों पर रैंप सहित अन्य सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक अवगत करवाया गया। वेब कास्टिंग की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी कण्डाघाट सिद्धार्थ आचार्य, तहसीलदार निर्वाचन सोलन ऊषा चौहान सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए नियुक्त मास्टर ट्रेनर एवं सूचना प्रौद्योगिकी व्यवसायी उपस्थित थे।
लोकसभा चुनाव-2024 के दृष्टिगत ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा द्वारा व्यय अनुश्रवण प्रकोष्ठ के कार्य के लिए अधिकारियों एवं कर्मियों के प्रतिनियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। इन आदेशों के अनुसार उपायुक्त कार्यालय सोलन के एसी (एफ एण्ड ए) श्रीकांत नेगी तथा उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा सोलन कार्यालय के अनुभाग अधिकारी सुनील को व्यय अनुश्रवण प्रकोष्ठ में सहायक अधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया है। मुख्य अरण्यपाल कार्यालय सोलन के लिपिक दीपक को इस प्रकोष्ठ में सहायक कर्मी प्रतिनियुक्त किया गया है। प्रतिनियुक्त अधिकारी ज़िला सोलन में सहायक निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचन व्यय अनुश्रवण टीमों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।
प्रारम्भिक शिक्षा विभाग ज़िला सोलन के माध्यम से शास्त्री अध्यापक व भाषा अध्यापक के (भूतपूर्व सैनिकों के आश्रितों) पदों के लिए अनुबंध आधार पर बैचवाइज की जाने वाली भर्ती की 26 एवं 27 फरवरी को आयोजित होने वाली काउंसलिंग आगामी आदेशों तक स्थगित कर दी गई है। यह जानकारी उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा सोलन डॉ. शिव कुमार ने दी।


















































