कुनिहार पँचायत के गांव उपरली बेहली दानों देव मन्दिर में सोमवार से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन चल रहा है जिसमें परम श्रद्धेय आचार्य राम प्रकाश बृंदावन वाले अपनी मधुर वाणी से कृष्ण लीलाओं का गुणगान कर रहे हैं। कथा के दूसरे दिन कथा वाचक आचार्य राम प्रकाश ने मानव जीवन में अन्न और समय के महत्व पर प्रकाश डाला की ये दोनों जीवन के पर्याय है। हमें जीवन में कभी भी अन्न के एक भी कण को व्यर्थ नहीं करना चाहिए क्योंकि अन्न का अपमान मतलब ब्रह्मा का अपमान होता है। इसी तरह से जीवन का हर क्षण अनमोल है और सांसारिक सुखों के साथ साथ मनुष्य को ईश्वर भक्ति जरूर करनी चाहिए तभी वो जन्म मरण के बंधन से मुक्त हो सकता है। इस अवसर पर आयोजक सदस्य जोगिंद्र कंवर ने बताया की श्रोताओं द्वारा कथा पुराण का भरपूर आनंद लिया जा रहा है और कथा के उपरांत भक्तों को भंडारे का प्रावधान भी किया गया है। इस अवसर पर सभी ग्रामवासी व सेवादार मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला के तत्वाधान में 4 जून को प्रात: 10 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ में रक्तदान एवं जागरूकता शिविर लगाया जाएगा। यह जानकारी अध्यक्ष उपमंडल विधिक साक्षरता समिति नालागढ़ ने दी।
हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला के तत्वाधान में 4 मई को प्रात: 10 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नालागढ़ में रक्तदान एवं जागरूकता शिविर लगाया जा रहा है। यह जानकारी अध्यक्ष उपमंडल विधिक साक्षरता समिति नालागढ़ ने दी। उन्होंने सभी से आग्रह किया इस शिविर को सफल बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान दें।
एक व्यक्ति की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत होने का समाचार मिला है। वह इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती था, जहां उसकी मौत हो गई। इस संबंध में धर्मपुर थाना में सूचना मिली। सूचना मिलने पर उप निरीक्षक ओम प्रकाश कर्मचारियों सहित मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मिले। इस संबंध में मृतक के पिता ने बताया कि 29 अप्रैल को उसका बेटा स्कूटी पर गया और कुम्हारहट्टी फ्लाई ओवर पर आकर बड़े भाई को वीडियोकॉल की। उसमें उसने खुद को जहर पीते हुए दिखाया है। उसने कहा कि वह अब जीना नहीं चाहता है। आनन फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल में ले गए मगर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
अखिल पुत्र देवी राम वासी छलाह डाकघर देवठी मंझगांव जिला सिरमौर ने थाने में एक शिकायत दर्ज करवाई है। उसने पुलिस को बताया कि एक मई को वह कसौली चौक पर बाइक सहित खड़ा था। उसके पीछे एक जिप्सी खड़ी थी। उसका चालक विकास कुमार लगातार हार्न बजा रहा था। जब उसने उसे ऐसा करने के लिए मना किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
मुख्य आरक्षी राजेश अन्वेषणाधिकारी पुलिस थाना कुनिहार कर्मचारियों सहित कुनिहार अर्की रोड गांव विरन में रात के समय गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कुनिहार की तरफ एक व्यक्ति पैदल आता हुआ दिखा। उसने हाथ में एक बैग पकड़ा हुआ था। वह पुलिस को देखकर पीछे भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसे धर दबोचा। जब बैग की तलाशी ली गई तो उसमें अस्सी ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस आरोपी पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान मनोहर लाल पुत्र स्व. जयूणू राम गांव मन्जयाट डाकघर मन्जयाट, तहसील अर्की जिला सोलन जिला सोलन के रूप में हुई है।
उपनिदेशक प्रारम्भिक शिक्षा सोलन द्वारा विभिन्न श्रेणियों के लिए आरक्षित कला अध्यापकों के 03 पदों पर बैचवाइज भर्ती की जा रही है। यह जानकारी उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा सोलन दीवान चंदेल ने दी। दीवान चंदेल ने कहा कि उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा सोलन के कार्यालय में 25 मई, 2022 को प्रात: 11 बजे से काउंसलिंग होगी। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों को सूचना पत्र के माध्यम से दे दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र उम्मीदवार का नाम हिमाचल प्रदेश सरकार श्रम एवं रोजगार निदेशालय शिमला के कार्यालय द्वारा प्रायोजित नहीं किया गया हो तो उम्मीदवार अपना नाम 20 मई तक कार्यालय को भिजवा सकते हैं। उप निदेशक ने कहा कि दृष्टिबाधित का एक पद, बहरा और सुनने में मुश्किल का एक पद तथा ओएच, ओए, ओएल, ओएएल, बीएल, सेरेब्रल पाल्सी, कुष्ठ रोग ठीक (बशर्ते उम्मीदवार लिखने में सक्षम हो), बौनापन, एसिड अटैक पीडि़त और मस्कुलर डिस्ट्रॉफी का 01 पद पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को बैठना, खड़ा होना, पढऩा-लिखना, देखना, अंगुलियों का जोड़-तोड़, चलना, संवाद करना, सुनना जैसी शारीरिक सक्षमता होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार को काउंसलिंग के समय में अपनी शैक्षणिक योग्यता, बोयोडाटा फॉर्म, रोजगार पंजीकरण कार्ड, हिमाचल प्रमाण पत्र, मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण प्रमाण पत्र, दस जमा दो उत्तीर्ण प्रमाण पत्र, कला और शिल्प में डिप्लोमा, एक वैकल्पिक विषय के रूप में ललित कला, दृश्य कला के साथ कला स्नातक प्रमाण पत्र, ललित कला, दृश्य कला (पेंटिंग और मूर्तिकला) में मास्टर डिग्री (व्यावसायिक योग्यता), श्रेणी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी विकलांगता प्रमाण पत्र की स्वप्रमाणित प्रति लाना अनिवार्य है।
कांग्रेस में चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं टिकट वितरण कमेटी सदस्य बनने के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस और नादौन के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू का प्रदेश के प्रवेश द्वार परवाणु में स्वागत होगा। चार मई को सुबह 10 बजे सुक्खू परवाणु बैरियर पहुंचेंगे। उसके बाद 11:30 बजे सोलन और तदोपरांत 12:30 बजे वे शिमला कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे। इस दौरान जगह-जगह उनका स्वागत किया जाएगा। सुक्खू अब 5 मई को अपना कार्यभार संभालेंगे। 5 मई को सुबह 11 बजे चौड़ा मैदान में कांग्रेस की रैली होगी। इसके उपरांत वह कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के साथ कांग्रेस कार्यालय में सुक्खू अपना कार्यभार संभालेंगे।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत 4 मई को 11 के.वी. शामती फीडर की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी प्रदेश विद्युत बोर्ड के वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता राहुल वर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि इस कारण प्रात: 09.00 बजे से सांय 05.00 बजे तक घरसी, सनहोल, दलयार, कुंदला, आरजे पॉलीमर उद्योग एवं आस पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में निर्धारित समय तथा तिथि को बदला जा सकता है।
ग्राम पंचायत बागा में दंगल कमेटी मांगल (बागा) ने कुश्ती दंगल करवाया। इसका शुभारंभ समाजसेवी समत्याड़ी मांगल से हरिराम राम ठाकुर ने किया। इस दौरान अर्की के विधायक संजय अवस्थी भी बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। इस महादंगल में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और यूपी के पहलवानों ने हिस्सा लिया। दंगल की अंतिम कुश्ती प्रीत पाल फगवाड़ा व टीटो जॉर्जियन के बीच हुई। बड़ी माली में प्रीतपाल फगवाड़ा ने टीटो जॉर्जियन को पटखनी देकर जीत दर्ज करवाई। बड़ी माली के विजेता को 1 लाख एक हजार व गुर्ज दिया गया। इसी तरह से छोटी माली के उपविजेता को 61 हजार रुपए व गुर्ज दिया गया। छोटी माली में विकास खन्ना ने विकास जीरकपुर को पटखनी दी। इसमें विजेता 61 हजार रुपए व दूसरे स्थान पर आने वाले को 41 हजार रुपए दिए। हिमाचल केसरी का खिताब विकास के नाम रहा। विकास को 25 हजार रुपए देकर सम्मानित किया। इस मौके पर बीडीसी के पूर्व उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर, पूर्व उपप्रधान दाड़लाघाट राजेश गुप्ता, राजेंद्र रावत,रोशन वर्मा सहित बागा, मांगल व कंधर पंचायतों से आए लोग मौजूद रहे।
पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू में अंग्रेजी काव्य वाचन प्रतियोगिता करवाई। इसमें चिनार, देवदार, ओक और टीक सदन के प्रतिभागी शमिल रहे। कनिष्ठ वर्ग के चारों सदनों में से एक-एक प्रतिभागी ने भाग लिया। ओक सदन से कनिष्ठ वर्ग की अग्रिमा को प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार दिया गया। जबकि टीक सदन की गार्गी दूसरे स्थान पर रहीं। इसके साथ-साथ वरिष्ठ वर्ग का प्रथम पुरस्कार चिनार सदन के निखार सुनेजा ने प्राप्त किया, जबकि प्रतियोगिता के दूसरे स्थान पर टीक सदन की वृंदा भसीन रहीं। अंतर्सदनीय अंग्रेजी काव्य वाचन प्रतियोगिता का ओवरआल खिताब टीक सदन के नाम रहा। प्रतियोगिता के दूसरे स्थान पर चिनार सदन तथा ओक सदन को तीसरे स्थान पर संतुष्ट रहना पड़ा। प्रतियोगिता में चारों सदनों की सराहना की गई और विजयी सदन के प्रतिभागियों को मंच पर हैड टीचर देवेन्द्र कुमार वर्मा द्वारा पुरस्कृत किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों को इस तरह की प्रतियोगिताओं में आगे बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए और भीतरी भय को दूर करने के लिए यह अवसर उनके लिए सुनहरी होता है।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट ग्राम पंचायत सूरजपुर के ग्रामीणों ने रविवार को बैठक कर धरना प्रदर्शन की रणनीति तैयार कर ली है। बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है की धरना प्रदर्शन पिपलूघाट चौक की बजाए संबंधित विभागों के कार्यालयों के बाहर किया जाएगा। ग्राम पंचायत सूरजपुर के प्रधान ओमप्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में यह बैठक हुई। इस बैठक में लगभग 80 ग्रामीण मौजुद थे। पंचायत प्रधान ने जानकारी देते हुए बताया की सरकार व विभाग द्वारा कई महीने बीत जाने पर भी जनता कि समस्याओं का समाधान करने के लिए कोई सार्थक कदम नहीं उठाए गए हैं। पिछले धरने प्रदर्शन के दौरान भी विभाग द्वारा सिर्फ कोरे आश्वाशन ही दिए गए, जिसके ऊपर कोई कार्य होता हुआ नहीं दिख रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि अब धरना प्रदर्शन पिपलूघाट चौक पर न करके विभाग कार्यालय के आगे दिया जाएगा, ताकि सरकार व अधिकारियों की आंखे खुले। पंचायत प्रधान ओम प्रकाश ने जानकारी देते हुए कहा कि धरना प्रदर्शन सबसे पहले जल शक्ति विभाग अर्की के मुख्यालय में 04 मई को 11 बजे दिया जाएगा। क्योंकि पंचायत के अंतर्गत हर वार्ड में पानी कि समस्या को लेकर विभाग को अवगत करवाया गया था, लेकिन विभाग द्वारा लोगों कि समस्याओं को लेकर कोई कार्य पूर्ण नहीं किया है।
ग्राम पंचायत कोटली के गांव कोलका में अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के सौजन्य से सपोर्ट कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान गांव कोलका के लोगों की सिलाई मशीनों की मरम्मत सिंगर कंपनी के मुलाजिमों ने की। वहीं अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन प्राइवेट आईटीआई के प्रशिक्षकों व परीक्षार्थियों द्वारा सीलिंग फैन, इंडक्शन, प्रेस, मधानी, टेबल फैन इत्यादि इलेक्ट्रिकल उपकरणों की मरम्मत भी की गई। इस मौके पर एलईडी टीवी व डिश की इंस्टॉलेशन की गई। उपप्रधान जय प्रकाश ने इसके लिए अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन का धन्यवाद किया। कैंप में लगभग 60 लोगों को लाभ मिला। इस अवसर पर ग्राम पंचायत कोटली के उप प्रधान जयप्रकाश, पंचायत सदस्य जगदीश ठाकुर, सवीता देवी,महिला मंडल प्रधान उमा देवी, अंबुजा आईटीआई से दलीप कुमार, मोहित शर्मा, संदीप अरोड़ा, सिंगर कंपनी के कर्मचारी सहित अन्य उपस्थित रहे।
बेटी है अनमोल योजना तथा शगुन योजना के लाभार्थियों को किया लाभान्वित फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चाैधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के माध्यम से यह सुनिश्चित बना रही है कि लड़कियाें को सभी क्षेत्रों में समान अवसर प्राप्त हांे। सुखराम चाैधरी आज सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के दभोटा में आयोजित जनमंच की अध्यक्षता कर रहे थे। सुखराम चाैधरी ने कहा कि सनातन भारतीय संस्कृति में लड़के व लड़की को एक समान अधिकार दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जहां पात्र कन्याओं को लाभान्वित कर उनके भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रही है। वहीं, लोगों को इस दिशा में जागरूक भी बना रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि लड़का-लड़की में कोई भेदभाव न करें और लड़कियों को सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के एक समान अवसर प्रदान करें। उन्होंने इस अवसर पर 'बेटी है अनमोल' योजना के तहत बीपीएल परिवारों में जन्मी बालिकाओं के अभिभावकों को 21-21 हजार रुपए की एफडी भी प्रदान की। उन्होंने यह राशि रब नूर पुत्री मनदीप कौर ग्राम भांग्ला, दिव्या पुत्री दर्शन सिंह ग्राम राजपुरा, हर्षिता पुत्री महेंद्र सिंह ग्राम राजपुरा तथा दीपाली पुत्री दविंदर सिंह ग्राम राजपुरा को यह एफडी प्रदान की। उन्होंने शगुन योजना के तहत 31-31 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की। यह राशि सुषमा पुत्री लाजो देवी ग्राम धुंधली, गुरप्रीत कौर पुत्री अमरजीत कौर ग्राम पलासी कलां, जसवीर कौर पुत्री अमरजीत कौर ग्राम पलासी कला, दीक्षा पुत्री सुरजीत सिंह ग्राम ढांग उपरली, परमजीत कौर, कुलवीर कौर ग्राम दभोटा को एफडी प्रदान की। हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री कन्यादान के लाभार्थियों मधु बाला, प्रियंका, अंजना, नीजो देवी तथा सविना को 51-51 हजार की राहत राशि प्रदान की। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत 10 पात्र लाभार्थियों को निशुल्क गैस कुनेक्शन वितरित किए गए। इस अवसर पर नवजात शिशुओं को ऊर्जा मंत्री के कर कमलों द्वारा अनपराशन तथा गर्भवती महिलाओं को गोद भराई रस्म के तहत फल वितरित किए गए। सुखराम चाैधरी ने इस अवसर पर आम का पौधा भी रोपा। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा प्रदर्शित वस्तुओं में गहरी रूचि दिखाई। इस अवसर पर नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक लखविंदर सिंह राणा, पूर्व विधायक केएल ठाकुर, जल शक्ति बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैनी, उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी, पुलिस अधीक्षक बद्दी मोहित चावला, उपमंडलाधिकारी नालागढ़ महेन्द्र पाल गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी वर्ग उपस्थित थे।
जिला पुलिस नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने वाहनों 266 चालान काटे हैं। इनसे 50,000 हजार जुर्माना प्राप्त किया गया। शराब पीकर गाड़ी चलाने पर 8, लापरवाही से वाहन चलाने पर 2, ओवर स्पीड के 2, बिना लाइसेंस के तीन, गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात करने पर 5, बिना हेलमेट बाइक चलाने के 41 और बिना सीट-बेल्ट गाड़ी चलाने पर पर पांच चालान काटे हैं। वहीं अन्य 149 चालान किए गए हैं।
जनमंच में 12 शिकायतें तथा 32 मांगे प्रस्तुत फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चैाधरी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं व कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि आमजन की सेवा के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए त्वरित प्रयास करने चाहिए। सुखराम चैाधरी आज सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के दभोटा में आयोजित जनमंच की अध्यक्षता कर रहे थे। सुखराम चौधरी ने अधिकारियों का आह्वान किया कि जनता की समस्याओं को समझकर इनका त्वरित निपटारा सुनिश्चित बनाएं, ताकि लोगों को उनके घर द्वार के समीप ही न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि जनमंच का यही उद्देश्य है कि लोगों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त हो तथा उनके समय व धन की बचत हो। उन्होंने जनमंच में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं दौरा कर आम लोगों की समस्याओं को जाने तथा संवेदनशीलता के साथ उन समस्याओं का त्वरित हल निकालें। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत विकास कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अब बिजली का मीटर देने के लिए एनओसी लेने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ग के लिए 125 यूनट तक फ्री बिजली की गई है। सुखराम चैाधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना पूरे देश में एक आदर्श योजना के रूप में सराही गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना से प्रदेश के पर्यावरण पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। आज आयोजित जनमंच के लिए 12 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 09 का निपटारा मौके पर किया गया। जनमंच मंे 32 मांगे प्राप्त हुई, जिनमें से 16 का निपटारा कर किया गया। शेष शिकायतों तथा मांगों को अग्रिम कार्यवाही के लिए उचित स्तर पर प्रेषित किया गया। जनमंच में 35 हिमाचली प्रमाण, 08 चरित्र प्रमाण पत्र, 33 आय प्रमाण पत्र बनाए गए। 26 व्यक्तियों को परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध करवाई गई। 59 एससी प्रमाण पत्र, 39 चरित्र प्रमाण पत्र, 38 लीगल हेयर प्रमाण पत्र, अन्य प्रमाण पत्र जारी किए गए। 25 लोगों का आधार के लिए नामांकन किया गया। 155 इंतकाल, 05 रजिस्ट्रियां की गई। इसके अतिरिक्त 82 विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र भी बनाए गए। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग एवं आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क जांच शिविर लगाए गए। जनमंच में कोविड-19 टीकाकरण भी किया गया। उन्हाेंने कहा कि आज के जनमंच में लगभग 1200 से अधिक व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी मांगे ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के लिए शीघ्र प्रेषित की जाएंगी। जनमंच के उपरांत ऊर्जा मंत्री ने विभिन्न विभागों के साथ समीक्षा बैठक भी की। इस अवसर पर नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक लखविंदर सिंह राणा, पूर्व विधायक केएल ठाकुर, जल शक्ति बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैनी, उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी, पुलिस अधीक्षक बद्दी मोहित चावला, उपमंडलाधिकारी नालागढ़ महेन्द्र पाल गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी वर्ग उपस्थित थे।
एक व्यक्ति के सड़क के किनारे मृत होने का समाचार मिला है। इस संबंध में ज्ञान चंदे स्वीट इंडस्ट्रीज सैक्टर-1 परवाणू ने थाने में दी है। सूचना मिलने उप निरीक्षक शमीम अख्तर मुलाजिमों सहित मौके पर पहुंच और छानबीन की। पुलिस ने देखा कि स्वीट इंडस्ट्रीज के मेन गेट पर एक व्यक्ति मृत पड़ा हुआ है। मौके पर मौजूद सोमनाथ ने बताया कि मृत व्यक्ति का नाम गीता राम पुत्र स्व.जय सिंह है। वह गांव टकरोटा, डॉ. नयाग्राम तहसील कसौली जिला सोलन का रहने वाला है। परिजनों ने बताया कि वह ड्राइवरी करता था। पोस्टमार्टम में उसकी मौत का कारण बीमार होना बताया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
यूपी वासी एक महिला उपचार के दौरान मौत होने का समाचार प्राप्त हुआ है। उक्त महिला को उपचार के लिए सोलन अस्पताल लाया गया था। उक्त महिला की पहचान की पहचान वासी गांव गौरा मुदावरा तहसील एवं जिला हापुड़ उत्तर प्रदेश उम्र 23 वर्ष हुई है। एएसआई शेर सिंह प्रभारी पुलिस चौकी सोलन ने बताया कि इस संबंध में उसके पति ने बताया पिछले कल जब वह ड्यूटी से घर आया तो पत्नी बेहोश थी। मैंने उसे पानी भी पिलाया। इसके बाद वह सामान्य हो गई। मगर कुछ देर के बाद उसकी तबीयत फिर खराब हो गई। इसके बाद उसे सोलन अस्पताल में ले जाया गया मगर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में बारहवीं के छात्रों को विदाई दी। इस मौके पर एक भव्य समारोह करवाया गया। इस दौरान बारहवीं के सभी छात्र समारोह में शामिल हुए। सभी छात्र इस मौके पर सज-धजकर स्कूल पहुंचे हुए थे। इस दौरान छात्रों ने अपने अध्यापकों के साथ सामूहिक रूप तस्वीरें खिचवाईं। इसके बाद है व्बाय आर्यन बख्शी और हैड गर्ल अनन्य ने स्पीच दी जिस पर सभी ने तालियां बजाईं। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किया। इस के बाद पीपीटी के माध्यम से खट्टी-मीठी यादों को तरोताजा कया। वहीं छात्रों को स्मृतिचिन्ह भी भेंट किए गए। हैड व्बाय आरव सेन और हैड गर्ल मिष्ठी ने सभी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर पाइनग्रोव स्कूल के निर्देशक कैप्टन एजे सिंह, अध्यक्ष प्रबंधक समीक्षा सिंह, पाइनग्रोव स्कूल के प्रधानाचार्य मान संजय चौहान, हैड एलिमेंटरी डॉ. किरण अत्री, हैड ऑफ कल्चरल अफेयर्स विशाल गौरी, हैड ऑफ स्पोर्ट्स सुरेंद्र मेहता, हैड ऑफ पेस्टोरल केयर सुनील वर्मा उपस्थित रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन श्रमिक एक राष्ट्र की अदृश्य रीढ़ होते हैं, क्योंकि एक राष्ट्र उनके कारण ही मजबूती से खड़ा हो पाता है। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस, हर वर्ष पहली मई को दुनिया भर में मनाया जाता है। श्रमिकों के अधिकारों के बारे में लोगों में जागरूकता फैलाने और उनकी उपलब्धियों को चिह्नित करने के लिए यह दिन मनाया जाता है। आज साईं इंटरनेशनल स्कूल ने स्कूल के हेल्पिंग स्टाफ के प्रयासों को सराहने के लिए श्रम दिवस मनाया जात है। श्रम दिवस हमारे लिए एक अनुस्मारक है कि ये हमारे समाज के असली वास्तुकार हैं और वे उनके उचित सम्मान के पात्र हैं। हम अपने बच्चों में उसी गुण को विकसित करने का प्रयास करते हैं। स्कूल के बच्चों ने सम्मान स्वरूप उन्हें धन्यवाद देने के लिए हाथ से बने कार्ड और फूल भेंट किए। स्कूल के अध्यक्ष रमिंदर बाबा ने कहा कि हम सभी को मदद करने वाले कर्मचारियों की कड़ी मेहनत, समर्पण का सम्मान और करना चाहिए।
पुलिस थाना सोलन में पीजीआई चंडीगढ़ से मिली सूचना के मुताबिक खाल्टू वासी एक महिला गिर कर जख्मी हो गई थी। उसे उसे इलाज के लिए सोलन अस्पताल से चंडीगढ़ रैफर किया गया था। मगर जख्मों का ताव न सहते हुए उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उसके पार्थिव शरीर को अब वापस सोलन लाया जा रहा है। उसके पति ने बताया कि वह पशुओं को घास लाने के लिए छत पर गई थी। जैसे ही उसने छत पर रखा घास खींचा तो उसका पैर फिसल गया।
पुलिस थाने में जमीन की हेराफेरी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में विजय अरोड़ा पुत्र कश्मीरी लाल वासी कोठी-342, सैक्टर-2 पंचकूला हरियाणा ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। उसने पुलिस को बताया कि उसने प्रवीण दीवान पुत्र योगेन्द्र दीवान एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर मैसर्ज हिमालयन वेजी फ्रूट वासी हाउस नं-1536, सैक्टर-33 बी चंडीगढ़ से मोहल कोटी स्थित जमीन को कुल 2 करोड़ 63 लाख 80 हजार में खरीदने का एग्रीमेंट किया था। आरोपी को 39,80,000 रुपए एडवांस भी दिए थे। परंतु उसने उसके नाम संपत्ति रजिस्टर नहीं करवाई है। उसने हेराफेरी कर प्रॉपर्टी का नाम बदल दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन गत 2 दशकों से क्योरटेक ग्रुप प्रसिद्ध मल्टीनेशनल कंपनियों के साथ विश्व स्तर की दवाओं के निर्माण में लगा हुआ है। ग्रुप की शानदार उपलब्धियों पर प्रसिद्ध मूनस्टार कंपनी की और से क्योरटेक ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर सुमित सिंगला को आज एक सादा समारोह के दौरान मूनस्टार कंपनी के निर्देशकों परवीन चौधरी, मोहिंदर चौधरी, गोपालराम व नीलेश चौधरी ने सूरत गुजरात से आकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मोहिंदर चौधरी ने बताया कि 2015 में मूनस्टार कंपनी ने अपने निर्माण की शुरुआत क्योरटेक ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर सुमित सिंगला के नेतृत्व में शुरू की थी। आज यह ग्रुप राष्ट्रीय स्तर पर जा पहुंचा है। उन्होंने सुमित सिंगला का धन्यवाद किया। इस अवसर पर क्योरटेक ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर सुमित सिंगला ने कहा कि देश भर में गुजरात फार्मा कंपनियों का हब माना जाता है और गुजरात की लगभग सभी मल्टीनेशनल कंपनियों के साथ क्योरटेक ग्रुप का नाम जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि मून स्टार कंपनी के साथ उनका सफर 2015 में शुरू हुआ और आपसी सहयोग से यह कंपनी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। अवार्ड समारोह के दौरान सुमित सिंगला ने कहा कि क्योरटेक ग्रुप हमेशा मून स्टार कंपनी के साथ कंधे से कन्धा मिलकर चलती रहेगी।
थाना धर्मपुर के अतिरिक्त प्रभारी एएसआई ओम प्रकाश ने वाहनों की चैकिंग के लिए नाका लगाया हुआ था। तभी चंडीगढ़ की ओर आने वाली गाड़ी को शक के आधार पर रोका गया। जब गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें आठ बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुईं। चालक की पहचान संदीप कुमार पुत्र रोशन लाल वासी अहमदपुर तहसील एवं जिला सिरसा के रूप के रूप में हुई है। पुलिस ने उस पर मामला दर्ज कर लिया है।
चौधरी कांप्लेक्स दाड़लाघाट में हिमाचल मोटर चालक संघ द्वारा एक सम्मेलन करवाया गया। इस सम्मेलन की थीम चालक चलता है तो देश चलता है चालक थमता है तो देश भी थम जाता है रही। इस दौरान विधायक संजय अवस्थी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वहीं विशेष अतिथि के तौर पर हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की प्रथम महिला चालक सीमा ठाकुर व हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के पूर्व प्रधान शंकर सिंह ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान अकस्मात दिवंगत हुए दो चालकों गगन एवं गोपाल को श्रद्धांजलि दी। उनकी आत्मिक शांति हेतु मौन भी रखा गया। इस दौरान विभिन्न समस्याओं पर चर्चा भी की गई। वहीं संगठन को मजबूत बनाने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि अनहोनी होने पर 25-30 हजार रुपए का मुआवजा देकर चालकों के साथ भद्दा मजाक किया जाता है। पूर्व परिवहन एवं मजदूर संघ के अध्यक्ष शंकर सिंह ने कहा कि जिस प्रकार देश में प्रशासनिक अधिकारियों के लिए विशेष इंस्टीच्यूट बनाए गए हैं, उसी तरह से चालकों के लिए भी बनाया जाए। मुख्य अतिथि संजय अवस्थी ने कहा कि चालकों को सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक सुरक्षा और वैधानिक सुरक्षा मिलना अति आवश्यक है। उन्होंनेे चालकों संघ के पंजीकरण करवाने हेतु भी हामी भरी। उन्होंने कहा जैसे ही आप का संविधान तैयार हो जाता है आप का रजिस्ट्रेशन करवा दिया जाएगा। इस दौरान जय कृष्ण शर्मा, श्यामलाल संधु, नरेंद्र कुमार,चालक संघ के संस्थापक सत्यम, महासचिव सत्यपाल शर्मा हिमाचल परिवहन निगम की प्रथम महिला चालक सीमा ठाकुर, नीलम शर्मा, मीना शर्मा, ग्राम पंचायत दाड़ला के प्रधान बंसी राम, उप प्रधान हेमराज ठाकुर, कुलवंत सिंह,शंकर सिंह, जय कृष्ण शर्मा, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष जगदीश ठाकुर, ऋषि देव शर्मा इत्यादि उपस्थित रहे।
शिमला : जयराम को प्रतिभा ने लाखाें वोटों से हराया, अध्यक्ष बनने के बाद अब बौखलाहट में भाजपा : मुंगटा
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला प्रदेश कांग्रेस मीडिया पेनेलिस्ट कौशल मुंगटा ने भाजपा की तरफ़ से लगातार आ रही बेतुकी बयानबाजी पर तीखा जुबानी हमला बोला है। मुंगटा का कहना है कि प्रतिभा सिंह के अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा के नेता लगातार निराधार और बेतुकी बयानबाज़ी कर रहे हैं और हार के डर से बौखला गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह हिमाचल कांग्रेस की वरिष्ठ व अनुभवी नेता है और भाजपा को भूलना नहीं चाहिए की जिन जयराम ठाकुर के नेतृत्व में वो चुनाव लड़ना चाह रहे हैं, उन्हें प्रतिभा सिंह पहले ही एक बार सवा लाख़ वोटों से हरा चुकी है। इस बार भी मुकाबला उन्ही प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता वाली कांग्रेस से होना है। मुंगटा का कहना है की चुनावों के मद्देनजर बड़ी-बड़ी घोषणाएं की जा रही हैं और लोक लुभावने वायदे किए जा रहे हैं, जिसका जमीन पर खास असर नहीं पड़ने वाला, जनता इस सरकार की सारी सच्चाई को जानती है कि कैसे चार वर्ष से महंगाई बेरोजगारी और अव्यवस्था ने प्रदेश को पीछे धकेल दिया है और कर्ज में डूबो दिया है। मुंगटा का कहना है की कांग्रेस की पूरी टीम एक साथ कार्य करेगी व भाजपा को सत्ता से बाहर खदेड़ने में जंता के सहयोग से सफल होगी।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के दभोटा में पहली मई को 23वें जनमंच का आयोजन किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी करेंगे। यह जानकारी उपमंडलाधिकारी महेंद्र पाल गुर्जर ने दी। महेंद्र पाल गुर्जर ने कहा कि इस बार जनमंच कार्यक्रम का आयोजन दभोटा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के मैदान में किया जाएगा।उन्होंने कहा कि जनमंच में ग्राम पंचायत दभोेटा के अतिरिक्त ग्राम पंचायत माजरा, प्लासी कलां, ढान्ग निहली, भाटिया, भोगपुर, नवांग्राम व रेडू उपरला पंचायतों के लोगों की शिकायतों का निवारण किया जाएगा। उपमंडलाधिकारी ने कहा कि जनमंच कार्यक्रम के दौरान आमजन को हिमाचली प्रमाण पत्र, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, राजस्व रिकॉर्ड तथा किसान क्रेडिट कार्ड जारी करने के अतिरिक्त विधवा व वृद्धावस्था पेंशन आदि प्रमाण पत्र भी बनाए जाएंगे। जनमंच की तैयारियों के दृष्टिगत आज उपमंडलाधिकारी महेंद्र पाल गुर्जर ने जनमंच स्थल का निरीक्षण किया और इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन एकसीस बैंक, मैसजर ग्रुपी एसईबी इंडिया प्राईवेट लिमिटिड, मैसजर बीजेके सोलयुशनज प्राईवेट लिमिटिड में विभिन्न श्रेणियों में 125 पदों के लिए भर्ती की जाएगी। यह जानकारी आज यहां जिला रोजगार अधिकारी संदीप ठाकुर ने दी। संदीप ठाकुर ने कहा कि इन 125 पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू 5 मई, 2022 को जिला रोजगार कार्यालय सोलन में प्रातः 10.00 बजे से आरंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार अपनी योग्यता संबंधी सभी अनिवार्य प्रमाणपत्र सहित जिला रोजगार कार्यालय सोलन पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी ने कहा कि इन पदों के लिए योग्यता 12वीं ग्रेजुएट, आईटीआई इलेक्ट्रीकल एंड फिटर (अपरेंटिस) निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए 01792-227242, मोबाईल नंबर 70189-18595 तथा 78768-26291 पर संपर्क कर सकते हैं।
शूलिनी विश्वविद्यालय की बेलेट्रिस्टिक लिटरेचर सोसाइटी ने शगुना गहिलोट और प्रार्थना गहिलोटे द्वारा एक साथ रखी गई राजस्थानी कहानियों का संग्रह क्यूरियस टेल्स फ्रॉम द डेजर्ट पर एक सत्र का आयोजन किया। यह एक सूचनात्मक सत्र था जो भारत में थार रेगिस्तान के आसपास के क्षेत्र के कहानी-कहने, सीमाओं के पार कहानियों की परस्पर जुड़ाव और आम लोगों की कहानियों के लंबे इतिहास के बारे में थी। यह पुस्तक लोककथाओं के क्षेत्र में दूसरा प्रयास है जिसे गहिलोत बहनों ने शुरू किया है। पहला उद्यम हिमालय से जिज्ञासु किस्से था। उसी तरह, यह दूसरी पुस्तक उन लोगों के बारे में है, जो राजस्थान, गुजरात, सिंध और मुल्तान के शुष्क रेगिस्तान की क्षमाशील जलवायु और वातावरण में रहते हैं, सांस लेते हैं और फलते-फूलते हैं। विशाल थार न केवल अद्वितीय है, बल्कि भारतीय जलवायु के लिए महत्वपूर्ण है। शूलिनी विश्वविद्यालय में अंग्रेजी विभाग के संकाय सदस्य सम्राट शर्मा और नीरज पिजार दोनों ने लेखकों के साथ बातचीत में भाग लिया। प्रो. तेजनाथ धर ने चर्चा में मूल्यवान अंतर्दृष्टि जोड़ी, और पूर्णिमा बाली, हेमंत शर्मा, नवरीत साही और साक्षी सुंदरम सहित अन्य संकाय सदस्यों ने विचार-विमर्श में सक्रिय रूप से भाग लिया।
शूलिनी विश्वविद्यालय में बौद्धिक संपदा प्रकोष्ठ (आईपीआर) ने हिमकोस्ट और भारतीय पेटेंट कार्यालय, भारत सरकार के सहयोग से पेटेंट और पूर्व खोज कला पर एक दिवसीय कार्यशाला करवाई। इसका ऑस्ट्रेलिया के प्रो. अनूप स्वरूप ने वर्चुअल मोड के माध्यम से कार्यशाला का उद्घाटन किया। शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. पीके खोसला ने भारतीय पेटेंट कार्यालय, भारत सरकार (जीओआई) के दो सदस्यों और एक्सएलएससीओयूटी कंपनी के दो पेशेवरों के साथ दीप जलाकर कार्यशाला की शुरुआत की। आईपीआर सेल, शूलिनी विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. कमल देव ने विभिन्न योजनाओं और उपायों के बारे में जानकारी साझा की, जिनका उपयोग सेल पेटेंट और अनुसंधान के लिए करता है। प्रो. पी.के. खोसला ने शोध के क्षेत्र में अपने सपनों और अपेक्षाओं के बारे में बताया। उनका मानना है कि एक छात्र, एक पेटेंट वह है, जिसकी ओर हम बढ़ रहे हैं और आने वाले वर्षों में हासिल करेंगे। प्रो. खोसला ने कार्यशाला के लिए समय निकालने के लिए अनूप स्वरूप को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने पेटेंट की मूल बातें और आज की दुनिया में उनके महत्व के बारे में बात की जहां उद्यमी और यूनिकॉर्न दुनिया भर में कब्जा कर रहे हैं। कुलपति, प्रो. अतुल खोसला ने सभी प्रतिभागियों और संकाय सदस्यों को अपने ज्ञान और कहानियों से प्रेरित किया। उन्होंने संकाय और छात्रों को पेटेंट दाखिल करने और अपने विचारों की रक्षा करने के लिए प्रोत्साहित किया, अपने विचारों की रक्षा करना पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम होना चाहिए। उन्होंने आईपीआर सेल और टीम को 1000 से अधिक पेटेंट फाइल करने की उपलब्धि हासिल करने के लिए बधाई दी। नित्या त्यागी, आईपी कार्यालय, भारत में एक परीक्षक, ने प्रतिभागियों के साथ पूर्व कला खोजों के बारे में बहुमूल्य जानकारी साझा की। उसने विभिन्न मुफ्त सॉफ्टवेयर और वेबसाइटें पेश कीं जिनका उपयोग आविष्कार पर एक बुनियादी पूर्व कला खोज करने के लिए किया जा सकता है। आईपी कार्यालय से छवि गर्ग ने पूर्व और कला खोज पर अपना व्याख्यान दिया और खोज और इसकी आवश्यकता के बारे में चरण-दर-चरण प्रोटोकॉल भी समझाया। एक्सएल स्काऊट के प्रणव शर्मा ने कंपनी के सॉफ्टवेयर एक्सएल पैट के बारे में जानकारी दी, जो प्रायर आर्ट सर्च को पहले से कहीं अधिक आसान बनाने जा रहा है। सॉफ्टवेयर का उपयोग करना आसान है और पेटेंट फाइलिंग के भविष्य को बदल देगा। अब से, यह जानना कि क्या आपका आविष्कार या विचार किसी मूल्य का है, एक्सएल पैट के साथ एक क्लिक दूर होगा। इस अवसर पर, शूलिनी विश्वविद्यालय के शीर्ष पेटेंट फाइलरों को कुलाधिपति द्वारा एक प्रमाण पत्र और एक स्मृतिचिन्ह के साथ सम्मानित किया गया। शूलिनी विश्वविद्यालय के प्रत्येक विभाग के शीर्ष पेटेंट फाइलरों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया पेनेलिस्ट कौशल मुंगटा ने भाजपा की तरफ़ से लगातार आ रही बेतुकी बयानबाज़ी पर तीखा ज़ुबानी हमला बोला है मुंगटा का कहना है कि प्रतिभा सिंह के अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा के नेता लगातार निराधार और बेतुकी ब्यानबाज़ी कर रहे हैं और हार के डर से बौखला गए हैं उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह हिमाचल कांग्रेस की वरिष्ठ व अनुभवी नेता है और भाजपा को भूलना नहीं चाहिए की जिन जयराम ठाकुर के नेतृत्व में वो चुनाव लडना चाह रहे है उन्हें प्रतिभा सिंह पहले ही एक बार सवा लाख़ वोटों से हरा चुकी है, इस बार भी मुकाबला उन्ही प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता वाली कांग्रेस से होना है। मुंगटा का कहना है की चुनावों के मद्देनजर बड़ी-बड़ी घोषणाएं की जा रही है और लोक लुभावने वादे किए जा रहे हैं जिसका जमीन पर खास असर नहीं पड़ने वाला, जनता इस सरकार की सारी सच्चाई को जानती है कि कैसे चार सालों से महंगाई बेरोजगारी और अव्यवस्था ने प्रदेश को पीछे धकेल दिया है और कर्ज में डूबो दिया है। मुंगटा का कहना है की कांग्रेस की पूरी टीम एक साथ कार्य करेगी व भाजपा को सत्ता से बाहर खदेड़ने में जनता के सहयोग से सफल होगी।
लगातार बढ़ रही गर्मी से जहां जनजीवन प्रभावित हुआ है,वहीं किसानों की गोबी की फसलों का भी भारी नुकसान हुआ है। इस गर्मी के साथ किसानों के प्याज, लहसुन की फसल का भी काफी नुकसान हो गया है। ग्राम पंचायत चाखड के गांव असलू के किसान विजय कुमार ठाकुर, गीताराम, हरिसिंह, रोशनलाल, धर्मपाल, खेमराज, सुंदर राम, मनोज कुमार आदि किसानों ने बताया कि हमने 50 बीघा भूमि पर गोबी की फसल लगाई थी और हर साल हम इस जमीन में गोबी की फसल लगाते थे और पिछले साल हमने यहां से करीब 30 लाख रुपए का गोबी का बीज बेचा था और इस वर्ष भी अच्छा बीज होने की संभावना थी लेकिन मार्च महीने से ही गर्मी बड़ने के कारण हमारा करीब 40 लाख रुपए का गोबी बीज खराब हो गया साथ ही प्याज व लहसुन की फसल भी खराब हो गई। ग्राम पंचायत चाखड़ की प्रधान गुरदेई ने भी प्रदेश सरकार व कृषि विभाग से मांग की है कि यहां पर जो किसानों की फसलों का नुकसान हुआ है उसका मुआवजा दिया जाए। जिससे वह अपने हुए नुकसान की पूर्ति कर सकें।
जिला सोलन में 8 मई को रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष यह मेला ‘बी हयुमेन काइंड’ थीम पर आधारित होगा। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन ज़फर इकबाल आज यहां मेले के आयोजन के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि रेडक्रॉस मेले के दौरान निर्धारित थीम के तहत भाषण, चित्रकला और नारा लेखन प्रतियोगिता तथा जागरूकता रैली का आयोजन भी किया जाएगा। स्कूल के बच्चों, नेहरू युवा केन्द्र के सदस्य तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षुओं द्वारा पुराना उपायुक्त कार्यालय से विश्राम गृह तक एक जागरूकता रैली का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस मेले के दौरान क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में रोगियों तथा कुष्ठ रोगियों को समिति द्वारा फल वितरित किए जाएंगे। ज़फर इकबाल ने कहा कि मेले में रेड क्रॉस के साथ नए सदस्य जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा । रेडक्रॉस मेले को सफल बनाने के लिए स्थानीय, गैर सरकारी संगठनों से जुड़े व्यक्तियों व सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। रेडक्रॉस मेले के दौरान औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में शिविर में आकर रक्तदान कर पुण्य का भागीदार बनें ताकि, जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद की जा सके। बैठक में उपमण्डलाधिकारी सोलन विवेक शर्मा, सहायक आयुक्त भानु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा, रेड क्रॉस समिति के सरकारी व गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।
पाइनग्रोव स्कूल, सुबाथू में बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हैड ब्बाय प्रणव शर्मा और हैड गर्ल शारण्या ठाकुर के भाषण से किया गया। जैसे ही छात्र हाल में इकट्ठे हुए उनका तालियों से जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीनियर छात्र-छात्राओं को विदाई दी गई। विदाई समारोह के दौरान विद्यार्थियों को उनके बचपन की खट्टी-मिट्ठी यादों की परदे पर झलक दिखलाई दी। उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ ही स्कूल की ओर से प्रत्येक विद्यार्थी को स्मृति चिह्न भेंट कर दी गई। विदाई समारोह में न केवल विद्यार्थी बल्कि अध्यापक गण भी इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए स्कूल में बिताए वर्षों को याद करते हुए भावुक हुए। इस अवसर पर पाइनग्रोव स्कूल के निर्देशक कैप्टन एजे सिंह, अध्यक्ष प्रबंधक समीक्षा सिंह, पाइनग्रोव स्कूल के हैड टीचर देवेंद्र कुमार वर्मा, प्रबंधक रेणु शर्मा, गतिविधि प्रभारी गुरप्रीत सिंह, पंकज शर्मा तथा दिगंबर भट्ट, सोनिया कपूर, अनीता शर्मा, विरेंद्र चौहान, सिम्मी गुप्ता, अजेश राणा, उदय कटोच, कोमल, हरजोत कौर, पंकज वर्मा, त्रिदिब, राजेन्द्र ठाकुर, वर्षा लिहान्तु, नीरज कुमार, रविन्द्र कुमार, जतिंद्र वर्मा अक्षत, मीनू बरार, मनीशा व विक्रम कुमार मौजूद रहे। छात्रों को विदाई संदेश देते हुए पाइनग्रोव स्कूल के निर्देशक कैप्टन एजे सिंह ने कहा कि जिस तरह से छात्रों ने अपने स्कूल में अनुशासन को बनाए रखा, उसी तरह से आप जीवन में आगे चलकर अपनी मंजिल को प्राप्त करने हेतु प्रयासरत रहें। समारोह के पश्चात विदाई पार्टी का आयोजन भी किया गया जिसमें बारहवीं कक्षा के छात्रों ने लजीज पकवानों का आनंद लिया |
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के दभोटा में 1 मई को जनमंच का आयोजन किया जाएगा। जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी करेंगे। यह जानकारी आज यहां जनमंच के आयोजन से संबंधित आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ महेन्द्र पाल गुर्जर ने दी। उपमण्डलाधिकारी ने कहा कि जनमंच कार्यक्रम का आयोजन दभोटा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के मैदान में किया जाएगा। जनमंच कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दभोटा के अतिरिक्त ग्राम पंचायत माजरा, प्लासीकलां, ढान्ग निहली, भाटिया, भोगपुर, नवांग्राम व रेडू उपरला पंचायतों के लोगों की शिकायतों का निवारण किया जाएगा। बैठक में समस्त विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शीघ्र ही प्री-जनमंच गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को सरकार के माध्यम से संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिल सके और पात्र व्यक्तियों तक कल्याणकारी योजना का लाभ पहुंच सके। उन्होंने लोगों का आहवान किया कि वे प्री-जनमंच में भाग लेकर सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर महेंद्र पाल गुर्जर ने जनमंच के प्रचार-प्रसार के लिए वाहन को चयनित पंचायतों में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर तहसीलदार नालागढ़ ऋषभ शर्मा, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद नालागढ़ व बद्दी आरएस वर्मा, खंड विकास अधिकारी ओम पाल डोगरा, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग राज कुमार, प्रधानाचार्य आईटीआई जोगिन्द्र शर्मा, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग अभिषेक कपिल, समेकित बाल विकास परियोजना अधिकारी रमेश चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन कोविड-19 वैक्सीनेशन, खसरा रूबेला और नियमित टीकाकरण के संदर्भ में आज यहां जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी ने की। कृतिका कुलहरी ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 से 59 आयु वर्ग के लोगों को एहतियात तौर पर कोविड शिल्ड की डोज केवल निजी स्वास्थ्य संस्थानों में ही निर्धारित धनराशि देकर लगाई जाएगी, जिसका वहन व्यक्ति द्वारा स्वयं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अब एहतियात तौर पर कोविड शिल्ड की डोज सरकारी स्वास्थ्य केंद्राें में न लगाकर केवल निजी स्वास्थ्य संस्थानों में ही लगवाना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि 5-12 साल के बच्चों को कोरोना वैक्सीन की डोज लगवाने का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) ने मंगलवार को इसकी मंजूरी दे दी है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों की कोविड वैक्सीनेशन से छूटे हुए बच्चों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि इस वर्ग में कोविड वैक्सीनेशन का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। उन्होंने 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों से कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए सहयोग की अपील भी की। बैठक के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन के निगरानी समिति के चिकित्सा अधिकारी डॉ. गगन और डॉ. मेघा प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य संस्थान मे जन्म लेने वाले सभी बच्चों को बीसीजी का टीका और पोलियो की अतिरिक्त खुराक (जीरो डोज) जन्म के समय दी जाती है। उन्होंने कहा कि यदि भूल वश कोई टीका छूट गया है, तो स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं चिकित्सक से संपर्क कर टीका लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी टीके उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राजकीय चिकित्सालयों पर निःशुल्क लगाए जाते हैं। बच्चों में बीसीजी का टीका, डीपीटी की तीन खुराकें, पोलियो की तीन खुराकें व खसरे का टीका नवजात शिशु के एक वर्ष की आयु से पूर्व लगवाना नितांत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मामूली खांसी, सर्दी, दस्त और बुखार की अवस्था मंे भी यह सभी टीके लगवाना सुरक्षित है। बैठक में गृह रक्षक समादेशक शिव कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, उपमंडलाधिकारी कसौली डॉ. संजीव धीमान, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी तथा निजी स्वास्थ्य संस्थान से डॉ. एनके गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट वनों की आग से सुरक्षा को लेकर वन परिक्षेत्र अधिकारी दाड़लाघाट हीरा लाल शर्मा ने स्थानीय निवासियों से अपील करते हुए वनों में लगने वाली आग की रोकथाम के लिए सहयोग की अपील की है। उन्होंने वनों में लगने वाली आग से सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक सावधानियों को लेकर बताया कि जानबूझकर जंगलों में आग न जलाएं। क्योंकि अधिकतर आग गलती से ही लगती है। यदि कभी ऐसा हो जाए, तो तुरंत स्थानीय लोगों को इकट्ठा करके आग को बुझाने का प्रयास करें तथा वन विभाग को भी सूचित करें। यदि कोई असामाजिक शरारती तत्व जानबूझकर जंगल में आग लगाता है, तो उसे नियम अनुसार सजा दिलवाने हेतु आगे आकर अपना नैतिक, सामाजिक व वैधानिक कर्तव्य निभाएं। इसके अलावा वनों में जलती तीली, बीड़ी व सिगरेट आदि न फेंकी जाए। उन्होंने कहा कि पटाखे जलाने आदि में विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही बच्चों को खेल-खेल में आग न लगाने व घरों, खेतों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ घास-फूस, सूखा कूड़ा-करकट आदि के जमा होने पर उसे जलाते वक्त सतर्कता की जरूरत है। हीरा लाल शर्मा ने बताया कि यदि सरकारी जंगल की सीमा से 100 मीटर के अंदर अपनी घासनी में कांटे इत्यादि जलाने हेतु आग जलानी हो तो इसकी पूर्व सूचना वन विभाग को अवश्य दें। उन्होंने बताया कि आग लगाने वाले व्यक्ति की सूचना देने वाले व्यक्ति को कुनिहार वन मंडल की ओर से विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने वनों की अग्नि से सुरक्षा में स्थानीय निवासियों की जागरुकता व सक्रिय सहयोग का आवश्यक रूप से आग्रह किया है।
आखिर 5 वर्ष बाद दाड़ला कनस्वाला संपर्क सड़क की दयनीय दशा में सुधार हो ही गया। इस संपर्क सड़क पर चलने वाले वाहन वाहक यह कहते सुने जा रहें हैं कि "सहज पके सो मीठा होए" क्योंकि लोक निर्माण विभाग ने देर से ही सही राहगीरों को कई वर्षों बाद बेहतरीन सड़क मुहैया करवाई है, जिसे देखकर लोग बहुत प्रसन्न दिखाई दे रहे है। स्थानीय नेताओं तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को साधुवाद दे रहे हैं। इस सड़क की दशा को सुधारने हेतु भाजपा जिला सचिव राकेश गौतम की अध्यक्षता में दाड़लाघाट के कार्यकर्ता और जनता भाजपा नेता रतन सिंह पाल से कनस्वाला सड़क के खस्ताहालत को लेकर कुछ दिन पूर्व मिले थे। जिस पर रतन सिंह पाल ने आश्वासन दिया था कि जल्दी सड़क का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। गौतम ने कहा कि हम रतन सिंह पाल का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने जो आश्वासन दिया था उसे पूरा किया है और कई वर्ष बाद दाड़लाघाट से कनस्वाला रोड सड़क की दशा टायरिंग से बेहतरीन बना दी गई है। जिसके लिए किसान मोर्चा अध्यक्ष जगदीश शुक्ला, भाजपा जिला सचिव राकेश गौतम, जिला परिषद सदस्य हीरा कौशल, बीडीसी चेयरमैन सोमा कौंडल, बंसीलाल भाटिया, हेमराज, उपप्रधान बरायली कृष्ण चन्द भट्टी, पवन गौतम, वीरेंद्र शर्मा, बंटू शुक्ला, पवन गौतम, ओम प्रकाश शर्मा, श्याम सिंह चौधरी, मनीष शुक्ला, नरेश ठाकुर सहित दाड़लाघाट की स्थानीय जनता, व्यापारी वर्ग, प्रधान, उप प्रधान ने सरकार तथा विभाग का धन्यवाद किया है।
इन कलाकारों को उनके सपने की उड़ाने भरने के कई अवसर प्राप्त हो रहें हैं आज के समय में हर कलाकार सोशल मीडिया के जरिये बना रहा अपनी पहचान फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन लोक गायकी के क्षेत्र में मीना राठौर ने अपनी एक पहचान बनाई है। मीना राठौर ने पहले अलग-अलग चैनल्स के गाने गाए हैं और हिट भी हुए हैं। मीना राठौर के करियर की शुरुआत जगरातों में भजन गाने से हुई और कई एल्बम में मीना राठौर भजन भी गा चुकी हैं। पढ़ाई में भी अव्वल संगीत जगत में मीना ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। वहीं, पढ़ाई के क्षेत्र में भी मीना हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से 'एम ए' की संगीत में कर रही चुकी हैं। हर किरदार को बखूबी निभा रही मीना राठौर का गाना 'नाटी पानी हो' इन दिनों काफी धमाल मचा रहा है। संगीत के साथ मीना एक बच्चे की मां भी है, जो जिम्मेदारियां अपनी बखूबी निभा रही है और संगीत में भी एक अलग छाप छोड़ रही हैं। चंबा के लोगों का मिल रहा सहयोग बहरहाल एक दिन में ही इस लोकगीत को 13 हजार व्यू मिल चुके हैं और 15 दिनों में 35 हजार व्यूज पहुंच गए हैं। बताते चलें कि मीना राठौर उपमंडल सलूणी के छोटे से गांव सुंज की रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी मधुर आवाज में यह दूसरा लोकगीत गाया है। मीना राठौर कहती हैं कि लोकगीत जगत में उन्हें अब तक सभी का काफी सहयोग मिला है। आगे भी आने वाले समय मे सभी का साथ और आशीर्वाद इसी तरह चाहती हैं, ताकि जल्द ही अपने यूट्यूब चेन्नल के जरिये लोगों तक अपने लोक गीतों को पहुंचा सके। 'मीना राठौर ऑफिशियल' को लाइक, शेयर व सब्सक्राइब जरूर करें।
सोलन जिला के 495 राजकीय प्राथमिक तथा 117 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्कर की भर्ती के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 मई कर दी गई हैं। यह जानकारी आज उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा दीवान चंद ने दी। दीवान चंद ने कहा कि सभी इच्छुक उम्मीदवार अपना आवेदन 7 मई तक संबंधित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस पद के लिए आवेदन एक से अधिक विद्यालयों में भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिन प्राथमिक एवं माध्यमिक पाठशालाओं में यह पद स्वीकृत हैं कि सूची विभाग की वेबसाइट www.ddeesolan.tk या http://www.ddeesolan.in तथा खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती हैं।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की अध्यक्षता में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस दौरान प्रवक्ता जीव विज्ञान नीलम शर्मा, विज्ञान स्नातक अनीता देवी व वोकेशनल ट्रेनर रंजना ठाकुर ने छठी से लेकर दसवीं तक की छात्राओं को संबोधित किया। छात्राओं को मासिक धर्म के समय बरती जाने वाली सावधानियों व साफ-सफाई के विषय में तथा लैंगिक उत्पीड़न से संबंधित जानकारी उपलब्ध करवाई गई। इन विषयों से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्याओं से निपटान के लिए कमेटी का भी गठन किया गया। कार्यक्रम में प्रवक्ता नरेंद्र कपिल, अमर सिंह, सुमन, रेणुका, सुषमा व जागृति सहित अन्य उपस्थिति रहे।
ममलीग स्कूल के बच्चों को वर्दी मिलने की आस में बैठे ममलीग स्कूल के बच्चे शीतकालीन पाठशालाओं को खुले लगभग 4 माह होने पर भी अभी तक सरकार द्वारा चलाई गई मुफ्त अटल वर्दी योजना के अंतर्गत सरकारी विद्यालय में पढ़ाई कर रहे बच्चे इस योजना से अभी तक वंचित है। राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला ममलीग के अभिभावक सरकार की ओर से मिलने वाली वर्दी के इंतजार में हैं, उनका कहना है कि बच्चे घर के कपड़ों में ही स्कूल जा रहे हैं । अभिभावक इस आस में बैठे है कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी बच्चों को वर्दी मिल जाएगी। हरिदत्त शर्मा, अश्वनी परिहार, कैलास शर्मा, पुष्पेंद्र शर्मा, सूरतराम परिहार, अनिल कुमार आदि अभिभावकों ने सरकार को कोसते हुए कहा है कि अगर सरकार समय से वर्दी उपलब्ध नहीं करवा सकती, तो ऐसी योजनाओं का क्या लाभ है। उन्होंने कहा कि इस तरह की अव्यवस्था के कारण ही अभिभावक वर्ग निजी स्कूलों में अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए मजबूर हैं । उन्होंने सरकार व प्रसासन से मांग की है कि जल्द ही बच्चों को वर्दी मुहैया करवाई जाए। इस बारे विद्यालय एसएमसी अध्यक्ष राजेश वर्मा ने बताया कि स्कूल खुले हुए लगभग 4 माह हो गए हैं, पर अभी तक बच्चों को वर्दी नहीं मिली है, जिससे अभिभावक वर्ग खासा परेशान है। उन्होंने कहा कि केंद्राध्यक्ष स्यामलाल शर्मा से इस विषय में बात हुई, तो उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा अभी पाठशालाओं को वर्दी जारी नहीं की गई है और जैसे ही विभाग द्वारा वर्दी जारी होगी, उसके अगले दिन बच्चों को वर्दी बांट दी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश हेडमास्टर काडर ऑफिसर एसोसिएशन जिला सोलन की बैठक प्रधान देशराज शारदा की अध्यक्षता मेें हुई। बैठक की जानकारी देते हुए जिला सोलन एसोसिएशन महासचिव दीप चंद गौतम ने बताया कि प्रदेश में एक वर्ष से प्रधानाचार्य पद के लिए कोई पदोन्नति नहीं हो पाई हैै। प्रदेश हेडमास्टर कैडर ऑफिसर्ज एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को लिखे ज्ञापन में कहा है कि वर्तमान में प्रदेश की विभिन्न जमा दो पाठशालाओं में प्रधानाचार्यों के 300 पद खाली पड़े हैं। पिछले सालों से इन पदों के लिए कोई पदोन्नति नहीं हुई है। एसोसिएशन के जिला सोलन प्रधान देशराज शारदा ने बताया कि बहुत से मुख्याध्यापक 30-32 सालों की सेवा करने के उपरांत सेवानिवृत्त हो रहे हैं। दूसरी ओर इससे बच्चों की पढ़ाई को भी नुक्सान हो रहा है। उन्होंने मांग उठाई है कि रिक्त पड़े 300 पदों को जल्द से जल्द भरें क्योंकि बहुत से स्कूल बिना मुखिया के चल रहे हैं। उन्होने प्रदेश सरकार से मांग की है कि खाली चल रही पाठशालाओं में प्रधानाचार्य के पद जल्द से जल्द भरे जाए।
राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में हिमाचल प्रदेश राजकीय महाविद्यालय प्रध्यापक संघ की इकाई द्वारा केंद्र सरकार के सातवें वेतनमान के अंतर्गत यूजीसी वेतनमान को नजरअंदाज करने के विरोध में गेट मीटिंग की। इस दौरान काले बिल्ले लगाकर रोष व्यक्त किया गया।जिसकी अध्यक्षता एचजीसीटीए की स्थानीय इकाई के प्रधान प्रो. रवि कुमार ने की। प्रोफेसर रवि कुमार ने कहा कि लंबे अरसे से महाविद्यालय के प्रध्यापकों को नए वेतनमान से वंचित किया जा रहा है, जो न्याय संगत नहीं है। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश के तमाम कर्मियों को नया वेतनमान मिल चुका है, परंतु सरकार महाविद्यालय के प्राध्यापकों के साथ अन्याय कर रही है। महाविद्यालय की स्थानीय इकाई ने सरकार से मांग की है कि यूजीसी के नए वेतनमान को यथाशीघ्र लागू कर प्राध्यापक वर्ग को राहत प्रदान की जाए। इस अवसर पर प्रोफेसर रवि कुमार, विश्वज्योति, संदीप कुमार, अजय कुमार, सुरेश कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।
आयुक्त नगर निगम सोलन के संज्ञान में आया है कि नगर निगम सीमा के आसपास अवैध कब्जों में भारी बढ़ौतरी हुई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने यह निर्णय लिया है कि अवैध कब्जा धारकों पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए नगर निगम ने टाऊन एंड कंट्री प्लान के तहत नोटिस भी जारी किया है। इसके तहत सेक्शन 253 (1) के तहत अवैध कब्जे को ध्वस्त करने का प्रावधान है। अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के लिए होने सारा खर्च कब्जाधारक को ही उठाना पड़ेगा। सेक्शन 254 (1) के तहत अवैध निर्माण को तुरंत रोके जाने का प्रावधान है। यदि कब्जाधारक नियमों का पालन नहीं करता है तो उसे सेक्शन 254 (2) के तहत हटाया जा सकता है। वहीं नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने का भी प्रावधान है। इसलिए नगर निगम आयुक्त सोलन ने अवैध निर्माण हटाने का आह्वान किया है। वहीं क्षेत्रवासियों को बिना अनुमति कोई निर्माण करने की मनाही की है।
सीबीएसई 10वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा के लिए द एसवीएन स्कूल बडोरघाटी से 24 छात्र सेंटर नवोदय विद्यालय बनिया देवी कुनिहार को रवाना हुए। परीक्षा को लेकर बच्चों में खासा उत्साह था। विद्यालय निदेशक लूपिन गर्ग व प्रधानाचार्य उमा यादव ने विद्यार्थियों को रवाना करते हुए उन्हें परीक्षा में अच्छे अंको के साथ उतीर्ण होने का आशीर्वाद दिया तथा विद्यार्थियों में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि परीक्षा को बिना किसी भय से शांत व सही मन से करें।
पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू में अंतर्सदनीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें इस चिनार, देवदार, टीक और ओक सदन के खिलाडिय़ों ने भाग लिया। कनिष्ठ वर्ग में चिनार सदन के खिलाडिय़ों ने अपने लीग मैचों में टीक सदन, देवदार सदन और अंत में ओक सदन को पटखनी देकर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंतर्सदनीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के अंतिम लीग मैच ओक सदन और चिनार सदन के मध्य खेला गया मैच रोमांचक रहा। आधे समय तक दोनों टीमों के खिलाडिय़ों में प्रतिस्पर्धा लगी रही। मैच के दूसरे हाफ में चिनार सदन के खिलाडिय़ों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ओक सदन को मात दी। वहीं वरिष्ठ वर्ग में टीक सदन ने अपने लीग मैच में ओक सदन, चिनार सदन और अंत में देवदार सदन को हराकर प्रतियोगिता में अपने वर्ग में प्रथम स्थान पर रहा, लेकिन अंक तालिका के आधार पर देवदार सदन को विजेता घोषित किया गया। इसके साथ-साथ चारों सदनों की लड़कियों ने भी शानदार खेल दिखाकर अपने सदन की अंक तालिका में वृद्धि करवाई। लड़कियों के अंतिम लीग में ओक सदन की लड़कियों ने देवदार सदन की लड़कियों को हराकर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अर्जित किया। इस प्रतियोगिता में चारों सदनों की सराहना की गई, क्योंकि सभी सदनों के खिलाडिय़ों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। अंक तालिका के आधार पर अंत में देवदार सदन ने अंतर्सदनीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता अपने नाम की। विजयी सदन के विद्यार्थियों को मंच पर हेड टीचर देवेन्द्र कुमार वर्मा द्वारा पुरुस्कृत किया गया और उनकी हौसला अफजाई की। अंतर्सदनीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के अभिनिर्णायक जय सिंह रहे और स्कोरिंग की जिम्मेदारी विनीत ठाकुर को सौंपी गई। इस अवसर पर प्रबंधक रेणु शर्मा, गतिविधि प्रभारी गुरप्रीत सिंह के आलावा दिगंबर भट्ट, सोनिया कपूर, अनीता शर्मा, कोमल कौर, हरजोत कौर, तरवेंद्र कौर, पंकज वर्मा, त्रिदिब, मनीषा, विनीत ठाकुर, जय सिंह, केवल सिंह, अमित कुमार, गोयल, सुनीता कौशल, रविन्द्र शर्मा, राजेन्द्र ठाकुर, जतिंद्र वर्मा, मीनू बराड़, वीनू सोढी, हीरा सिंह, निधि शर्मा, वर्षा लिहान्तु, नीरज कुमार, जतिंद्र वर्मा, रविन्द्र कुमार, अक्षत, मनीष व विक्रम कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
एक ढाबा मालिक ने एक युवक पर ढाबे के गल्ले से पैसे चुराने का आरोप लगाया है। इस संबंध में संदीप कुमार पुत्र इंद्र दत्त वासी नसाल आंजी ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में उसने कहा कि कुछ आबाजें आने पर वह जब ढाबे में गया तो देखा कि गल्ले से गौरव पुत्र रामप्रकाश वर्मा वासी गांव बेई पैसे चुरा रहा था। उसे ढाबे में काम करने वाले कामगारों और पड़ोसियों ने दबोच लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस नशा तस्करों पर कड़ी नजर रख रही है। इसके लिए निरंतर रेड मारी जा रही है। इसी कड़ी के तहत मुख्य आरक्षी दिनेश कुमार नारकोटिक्स पुलिस मुलाजिमों सहित गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि प्रियांशु जोशी व इसके साथी ओच्छघाटी वासी कुलदीप वर्मा के मकान पर हेरोइन की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना मिलने पर प्रियांशु जोशी पुत्र तारा दत्त जोशी वासी हाऊस नंबर 1321 बाबा मस्त नाथ हिसार जिला हिसार हरियाणा, हरविन्द्र सागवान पुत्र देवेन्द्र पाल वासी हाऊस नंबर 169 डाकघर जोजो कलां जिला दादरी हरियाणा व अमन पुनिया पुत्र करतार सिंह वासी हाऊस नंबर-1041 बाबा मस्त नाथ कालोनी हिसार कैंट जिला हिसार हरियाणा के पास 3.10 ग्राम हैरोइन बरामद की गई।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवश्यक रख-रखाव के दृष्टिगत 28 अप्रैल, 2022 को सोलन के कुछ हिस्सों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी आज यहां प्रदेश विद्युत बोर्ड के वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि इसके दृष्टिगत 28 अप्रैल, 2022 को प्रात: 11.00 बजे से दिन में 02.00 बजे तक सोलन के कोटला नाला स्थित ऑफिसर कालोनी और इसके आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि खराब मौसम अथवा अन्य कारणों के दृष्टिगत उपरोक्त तिथि एवं समय में परिवर्तन किया जा सकता है। उन्होंने इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की है।


















































