-कहा, हिमाचली संस्कृति की विशिष्टता को बढ़ावा देने के लिए सरकार कर रही नवीन प्रयास मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को नई दिल्ली में हिमक्राफ्ट, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम तथा कला, भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा दिल्ली हाट में 17 से 30 दिसंबर तक आयोजित किये जा रहे 'हिम महोत्सवÓ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहाड़ी संस्कृति एवं इसकी विशिष्टता को बढ़ावा देने के लिए नवीन पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचली टोपियों में नए डिजाइन बनाने के प्रयास किए गए और हाल की उनकी दुबई यात्रा के दौरान इनका प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार हिमाचली टोपियों के निर्यात के लिए प्रयास कर रही है, जिसे दुबई में भी निवेशकों द्वारा सराहा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिम महोत्सव में प्रदेश के कारीगरों व बुनकरों को अपने उत्पाद बेचने का एक प्रभावी मंच उपलब्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी में बड़े ऑर्डर प्राप्त करने में मदद मिलेगी, जिससे कारीगरों की व्यावसायिक गतिविधियों को विस्तार मिलने के साथ-साथ उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि हिम महोत्सव में लगाए गए 60 स्टॉल और हिमाचली लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश की अनूठी कला, संस्कृति और व्यंजनों को प्रदर्शित करने और इसके अनूठे उत्पादों और हस्तशिल्प को एक ब्रांड के रूप में बढ़ावा देने और देश-विदेश में पहचान दिलवाने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता सभी को आकर्षित करती है और मैदानी इलाकों की तुलना में सर्दियों में प्रदेश में मौसम बहुत अच्छा होता है। उन्होंने राज्य में विशेषकर साल के आखिरी सप्ताहांत में सर्दियों का आनंद लेने के लिए पर्यटकों का स्वागत किया और कहा कि विंटर कार्निवल उनके लिए एक अतिरिक्त आकर्षण होगा।
-एसपी के कहने पर भी नहीं हटाया हाईवे पर रखा शव -विधायक के आश्वासन पर शव को हटाया जिला कांगड़ा के शाहपुर विधानसभा हलके के रक्कड़ का बाग में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने पर परिजनों ने रविवार को शव को हाईवे पर रखकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि युवक को पुलिस ने शनिवार रात घर से उठा लिया था और उसकी मौत पुलिस की पिटाई से हुई है। मृतक की पहचान सोहन लाल उर्फ कालू उम्र 32 साल के रूप में हुई है। मामले का पता लगते ही स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और गांव के लोगों से बात की। उन्होंने एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री को फोन पर हालातके बारे में बताया और मौके पर आने को कहा। स्थानीय लोग और सोहन लाल के परिजन इसी बात पर अड़े थे कि उन पुलिस कर्मियों को पेश किया जाए, जो रात को उसके घर आये थे। तभी सड़क से शव उठाया जाएगा। वहीं, मौके पर पहुंची एसपी शालिनी अग्निहोत्री के आश्वासन पर भी लोग नहीं माने और धरने पर बैठे रहे। तब पठानिया ने खुद मोर्चा संभाला और मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया और उनसे हाईवे पर जाम खोलने और शव को घर ले जाने की अपील की। उनकी इस अपील पर ही लोग माने और जाम खुल पाया।
-17 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का किया लोकार्पण एवं रखी आधारशिला -16.96 करोड़ रुपये की योजनाओं का किया निरीक्षण लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश का संतुलित एवं एक समान विकास ही प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। विक्रमादित्य सिंह आज सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करने के उपरांत उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अन्य से विचार-विमर्श कर रहे थे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र का विकास बिना किसी भेद-भाव के करने के लिए कृत संकल्प है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए सभी को साथ मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि आपदा के मध्य प्रदेश में समुचित विकास करने के लिए यथोचित प्रयास किए जा रहे हैं। लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इससे पूर्व नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के रामशहर में लगभग 2.33 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किए जा रहे तहसील भवन, लगभग 12.83 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित किए जा रहे राजकीय महाविद्यलाय रामशहर के भवन निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। विक्रमादित्य सिंह ने किरपालपुर में इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को किरपालपुर में ओपन स्टेडियम बनाने के निर्देश दिए ताकि युवाओं को बेहतर खेलकूद की सुविधा मिल सके। उन्होंने ओपन स्टेडियम के निर्माण कार्य के लिए विभाग की ओर से अतिरिक्त 40 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। उन्होंने पंजैहरा में लगभग 1.40 करोड़ रुपए से निर्माणाधीन उप तहसील भवन के निर्माण कार्य का मुआयना किया। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का अनुश्रवण करने के उपरांत उचित दिशा-निर्देश जारी किए।लोक निर्माण मंत्री ने नालागढ़ क्षेत्र के क्षतिग्रस्त दभोटा पुल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने ग्राम पंचायत बगलेहड में तमडोह-पेहरूड़, वेद का जोहड-छनोबरी तथा नवांनगर-अम्बवाला मार्ग की मैटलिंग, टारिंग तथा क्रॉस ड्रेनेज कार्य का लोकार्पण किया। इस कार्य पर लगभग 10 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। उन्होंने इस सड़क पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। लोक निर्माण मंत्री ने नाबार्ड के तहत लगभग 7.04 करोड़ रुपये गुज्जरहट्टी-तलाउ-पुरला-खोबला-कनरूघाट तक निर्मित होने वाले पक्के सम्पर्क मार्ग की आधारशिला भी रखी। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकरियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। इस अवसर पर नालागढ़ के विधायक केएल ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव एवं प्रदेश इंटक के अध्यक्ष हरदीप सिंह बावा, ग्राम पंचायत रामशहर की प्रधान कृष्णा शर्मा, पूर्व प्रधान विरेेंद्र शर्मा, ग्राम पंचायत पंजैहरा के पूर्व प्रधान राम कुमार, तहसीलदार नालागढ़ निशा आजाद, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता (साउथ जोन) एसपी जगोता, लोक निर्माण विभाग सोलन के अधीक्षण अभियंता अजय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा ग्रामीण उपस्थित थे।
-स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनियों का किया अवलोकन हिमाचल फसल विविधिकरण प्रोत्साहन परियोजना के प्रथम एवं द्वितीय चरण के अंतर्गत किए गए कार्यों का जायका इंडिया एवं जायका श्रीलंका से आए विशेषज्ञों ने धरातल पर निरीक्षण किया तथा विकास खंड नगरोटा बंगवा के मुंदला गांव में प्रथम चरण के अंतर्गत बनाई गयी उपरियोजना, बहाव सिंचाई परियोजना रानी कूहल में किसान मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जायका इंडिया की प्रोजेक्ट डेवलपमेंट स्पेशलिस्ट निष्ठा वेंगुरलेकर और जायका श्रीलंका की जेंडर स्पेशलिस्ट यासूका नाकाजिमा ने मुख्य अतिथि और विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मेले में परियोजना के प्रथम चरण के दौरान बनाए गए स्वयं सहायता समूहों द्वारा प्रदर्शनी लगाई तथा कार्यक्रम में समूहों द्वारा खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियों के उत्पादों, सब्जियों, हस्तनिर्मित वस्त्रों व अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी के माध्यम से बताया गया कि किसान जायका परियोजना में स्वयं सहायता समूह बनाकर आत्मनिर्भरता की और बढ़े हैं। विभिन्न प्रकार के उत्पाद बनाकर अपने जीवन की आर्थिकी सुदृढ हुई है। इस वारे सहायता समूहों की महिलाओं से निष्ठा वेंगुरलेकर और यसूका नाकाजिमा ने बातचीत करके उनसे जानकारी हासिल की। दोनों ने स्वयं सहायता समूहों के कामकाज के तौर तरीकों को बारीकी से जाना और इस अध्ययन के आधार पर आने वाले समय में इसे श्रीलंका में महिलाओं के आर्थिक उत्थान के लिये लागू किया जाएगा। जायका के विशेषज्ञों ने स्थानीय इलाके में जायका के पहले चरण में विकसित किए गए विविध खेती के फार्म में जाकर भी उपलब्धियों का जमीनी जायजा लिया। विशेषज्ञों ने गांव में सब्जी उत्पादन कर रहे किसानों से भी चर्चा की। राज्य परियोजना निर्देशक डॉ. सुनील चैहान ने बताया कि प्रथम चरण में जिला कांगड़ा के अलग-अलग हिस्सों में काफी संख्या में सिंचाई योजनाएं स्थापित की गई थीं। इस दौरान महिला सशक्तिकरण के क्रम में कई स्वयं सहायता समूहों की भी स्थापना की गई थी। इन्होंने अपनी आजीविका को बेहतर करने के लिए परियोजना की ओर से उस दौरान दी गयी आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण पर अमल करते हुए विभिन्न प्रकार के खाद्य उत्पाद और दैनिक जरूरत की चीजों को बनाना शुरू किया। अब इन्हें अच्छा खासा बाजार मिल गया है, जिससे ये महिलाएं अपना जीवन स्तर ऊंचा करने में कामयाब हुई हैं।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत आज हरोली विधानसभा के टाहलीवाल में मोदी की गारंटी वाली गाड़ी के साथ जनसंवाद करते हुए उपस्थित जनता के साथ विकसित भारत निर्माण के संकल्प को दोहराया व सलोह में सेक्टर प्रभारियों के साथ बैठक कर संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया, हमें उनके इस सपने को 140 करोड़ देशवासियों के सहयोग से मूर्त रूप देने की दिशा में इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाना है और प्रधानमंत्री के विजन के साथ चलना है। भारत के कोने-कोने में 'मोदी की गारंटी वाली गाड़ीÓ से गांवों-कस्बों तथा शहरों में रोज लाखों लोग जुड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप विकसित भारत संकल्प यात्रा जन-जन को विश्वास और संकल्प कराएगी कि विकसित भारत बनाने में प्रत्येक भारतवासी का योगदान होगा। अनुराग ठाकुर ने मोदी सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि मात्र 9 वर्षों के अपने कार्यकाल में मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने चार करोड़ से ज्यादा जरूरतमंदों को पक्के आवास दिए। आज यह सभी गरीब दो कमरों के मकान के साथ लखपति बन गए हैं।
-पूर्व सीएम ने प्रदेश किसान मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों को दिया आशीर्वाद -बोले, पदों के पीछे न पड़कर एक आम कार्यकर्ता बनकर पार्टीर् के लिए करें काम भारतीय जनता पार्टी किसी भी मोर्चा प्रकोष्ठ का गठन, लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए करती है, न कि राजनीतिक मकसद से। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने रविवार को अपने निवास स्थान समीरपुर में नवनियुक्त प्रदेश किसान मोर्चा के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि केवल एक कार्यकर्ता ही है, जो कभी पूर्व नहीं होता, बाकी राजनीति में मिलने वाला हर पद एक समय बाद पूर्व हो जाता है। इसलिए पदों के पीछे न पड़कर एक आम कार्यकर्ता बनकर पार्टी के लिए ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा हाई कमान ने जो भी जिम्मेदारी जिस किसी भी कार्यकर्ता को दी है, वह उसका ईमानदारी के साथ पालन करे और अपने आप को एक काम कार्यकर्ता ही समझे। यह जानकारी देते हुए भाजपा मंडल सुजानपुर के मीडिया प्रभारी सुधीर भटनागर ने बताया कि भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के पदाधिकारी रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री से मिलने के लिए उनके निवास स्थान पहुंचे थे, यहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री का आशीर्वाद प्राप्त किया।
-जगह-जगह फूलमालाओं, पुष्प वर्षा व ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ स्वागत -बोले, प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐतिहासिक निर्णय ले रही सरकार प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र जयसिंहपुर पहुंचे मंत्री यादविंदर गोमा का स्वागत करने को स्थानीय लोग जनसैलाब के रूप में सड़कों पर उमड़े। जयसिंहपुर विधानसभा के प्रवेश द्वार आलमपुर पुल से पंचरुखी तक हजारों लोगों ने कैबिनेट मंत्री का जगह-जगह फूलमालाओं, पुष्प वर्षा व ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया। इस दौरान यादविंदर गोमा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में एक मजबूत सरकार है और मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता से प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री और केंद्रीय शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा ने सोनिया गांधी, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का उन्हें हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिये आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि मंत्री के रूप जो दायित्व उन्हें सौंपा गया उस पर खरा उतरेंगे और पूरी क्षमता के साथ प्रदेश हित्त में कार्य करेंगे। उन्होंने जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के लाखों मतदाताओं का भी आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि लोगों के आशीर्वाद और स्नेह से उन्हें सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल होने का अवसर प्राप्त है।
कुल्लू जिले के भुंतर में पुलिस ने एक व्यक्ति को 1 किलो 16 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। चरस के साथ पकड़े गए आरोपी की पहचान बुद्धि सिंह (44) निवासी मरघन डाकघर भल्याणी तहसील कुल्लू के तौर पर हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस की टीम रुआडू रोड पर गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को चेकिंग के लिए रोका। चेकिंग के दौरान व्यक्ति से एक किलो से अधिक चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
-नड्डा के कुल्लू स्थित निवास पर दोनों में करीब एक घंटा हुई चर्चा बॉलीवुड क्विन कंगना रनौत ने रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। यह मुलाकात राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर शास्त्री नगर कुल्लू में हुई। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक चर्चा हुई। अब अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की सरगर्मियां भी लगभग शुरू हो गई हैं, ऐसे में दोनों के बीच हुई इस मुलाकात ने हिमाचल की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि भाजपा कंगना को मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतार सकती है। गौरतलब है कि कंगना रनौत बीते दिनों बिलासपुर में विश्व संवाद केंद्र द्वारा आयोजित सोशल मीडिया मीट में भी पहुंची थीं। उसके बाद कंगना रनौत अपने मनाली घर पर वापस लौट गई थीं। जैसे ही उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने की जानकारी मिली तो वह उनसे मिलने उनके निवास स्थान शास्त्री नगर पहुंच गईं। काबिले गौर है कि कुछ समय से कंगना रनौत के मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे में कंगना भी लगातार भाजपा के तमाम बड़े नेताओं से अपना संपर्क बनाए हुए हैं। आज कुल्लू में जेपी नड्डा से हुई इस मुलाकात के बाद रानीतिक चर्चाओं का माहौल और गर्म हो गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ऊना जिले की हरोली तहसील के बाथू के पास कैलुआ गांव में शनिवार रात झोपड़ियों में लगी भीषण आग की घटना में एक महिला और दो बच्चों सहित तीन लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना में महिला सहित उसके दो बच्चे जिंदा जल गए, जो अत्यंत हृदयविदारक है। घटना में महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जो पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है और शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने जिला प्रशासन को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने के भी निर्देश दिए हैं।
प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी विश्व चक्षु ने जारी एक बयान में कहा कि अपनी नाकामियों को स्वीकार न करने की कांग्रेस की आदत आज दिन तक नहीं गई। भले ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व्यवस्था परिवर्तन की बात करते हैं, लेकिन वह खुद कांग्रेस की विचारधारा से ऊपर नहीं उठ पाए हैं। चुनाव परिणामों के बाद ईवीएम पर सवाल उठाना कांग्रेस की पुरानी आदत है। कांग्रेस जब-जब कांग्रेस चुनाव हारती है तो हार के कारणों पर मंथन करने की बजाए ईवीएम पर सवाल उठाती है। वहीं, जहां चुनाव जीत जाती है, वहां ईवीएम पर चर्चा बाद में करने की बात कहती है। उन्होंने कहा कि गत दिनों मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक चैनल में बातचीत के दौरान भाजपा के जीते राज्यों में ईवीएम को सवाल उठाए और कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों में ईवीएम की बजाए बेल्ट पेपर से होने चाहिए, इससे चुनवों में निष्पक्षता आएगी। इसी बीच जब उनसे तेलंगाना में भी ईवीएम के माध्यम से हुए चुनावों पर कांग्रेस की जीत पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने तर्क दिया कि तेलंगाना चुनाव को लेकर वह बाद में चर्चा करेंगे। उन्होंने सीएम सुक्खू को सुझाव दिया है कि व्यवस्था परिवर्तन का नारा लेकर आए हैं तो वैसे ही काम भी करें। कांग्रेस की दशकों पुरानी नीति को छोड़कर जनता के हित के बारे में सोचकर जनहित के कार्य करें, ताकि आगामी चुनावों में आपको फिर से ईवीएम पर सवाल उठाने की जरूरत न पड़े।
-50 प्रतिशत सब्सिडी के साथ रोजगार और स्टार्ट-अप सहायता की गारंटी देगी प्रदेश सरकार प्रदेश में स्वरोजगार उन्मुख अवसरों को बढ़ावा देने और उद्यमिता को प्रोत्साहित कर स्थानीय युवाओं को आजीविका प्रदान करने के उद्देश्य से, राज्य सरकार ने 680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्वरोजगार योजना-2023 शुरू की है। योजना के पहले चरण में, किसी भी सरकारी विभाग, स्थानीय प्राधिकरण, स्वायत्त निकाय, बोर्ड, निगम, सरकारी उपक्रम या किसी अन्य प्रतिष्ठान द्वारा ई-टैक्सी किराए पर लेने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया अधिसूचित कर दी गई है। प्रदेश सरकार इसमें ई-टैक्सी की खरीद पर 50 प्रतिशत की सब्सिडी प्रदान करके राज्य के युवाओं को रोजगार और स्टार्ट-अप सहायता की गारंटी देगी। सब्सिडी की गणना सभी प्रकार के करों सहित एक्स-शो रूम कीमत पर की जाएगी। योजना का लाभ उठाने के लिए 23 वर्ष है न्यूनतम आयु योजना का लाभ उठाने के लिए न्यूनतम आयु 23 वर्ष, वाहन चलाने का 7 वर्ष का अनुभव और बारहवीं कक्षा तक शैक्षणिक योग्यता की पात्रता सहित आवेदक हिमाचल का स्थायी निवासी होना चाहिए। आवेदक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, बेरोजगारी प्रमाण पत्र और अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग या ईडब्ल्यूएस में से कोई एक प्रमाण पत्र होना चाहिए। एक परिवार से केवल एक ही व्यक्ति इस योजना का लाभ उठा सकता है। जरूरतमंदों की मदद के लिए विशेष मामलों में अनुभव मानदंड में छूट का भी प्रावधान रखा गया है। आवेदक को परिवहन विभाग के पोर्टल पर एक खाता बनाना होगा जिसे आधार अथवा मोबाइल ओटीपी के माध्यम से प्रमाणित किया जाएगा। आरटीओ करेंगे आवेदनों की छंटनी और जांच आवेदनों की छंटनी और जांच क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) स्तर पर की जाएगी। इसके लिए ड्राइविंग टेस्ट निर्धारित किया गया है, जो संबंधित आरटीओ की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा लिया जाएगा। ड्राइविंग कौशल के अलावा, आवेदक को मोटर कार तंत्र, चालक के कर्तव्यों, ईंधन व ऊर्जा दक्षता, वाहनों के बुनियादी रखरखाव और सर्विसिंग सहित यातायात नियमों इत्यादि का ज्ञान होना चाहिए। आवेदनों की जांच के बाद परिवहन विभाग योग्य ई-टैक्सी आवेदकों की सूची (रिजर्व पूल) तैयार करेगा, जो 2 साल के लिए वैध रहेगी। इसके उपरान्त, पात्र लाभार्थी की सिफारिशें आवश्यकता के आधार पर उद्योग या नामित विभाग को सब्सिडी की मंजूरी के लिए पारदर्शी तरीके से प्रेषित की जाएंगी। किसी भी सरकारी विभाग या सरकारी व अर्ध-सरकारी संस्थान द्वारा नए वाहन या वाहन को बदलने की आवश्यकता अनुसार ई-टैक्सी 4 साल की शुरुआती अवधि के लिए किराए पर ली जा सकेंगी। यह अवधि 2 साल तक बढ़ाई जा सकेगी। संबंधित विभाग या संस्थान विशेष रूप से बनाए गए ऑनलाइन पोर्टल पर परिवहन विभाग को मांग प्रस्तुत करेंगे। मासिक आधार पर वाहन के लिए तय दूरी लगभग 2500 किलोमीटर निर्धारित की गई है, जो आवश्यकतानुसार कम या ज्यादा भी हो सकती है। हालांकि, एक वर्ष में 30,000 किलोमीटर चलने के बाद संबंधित विभाग द्वारा ई-टैक्सी मालिक को 1.5 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से अतिरिक्त शुल्क का भुगतान किया जाएगा। ई-टैक्सी की किराए की दरें तय करने के लिए एक समिति गठित की जाएगी। ई-टैक्सी की सेवाएं लेने वाले प्रत्येक विभाग या संस्थान को अपने वाहनों की चार्जिंग सुनिश्चित करने के लिए इलेक्ट्रिक चार्जर स्थापित करना होगा अथवा इसके लिए चार्जिंग स्टेशनों के साथ समझौता करना होगा। परिवहन विभाग आवेदक और खरीदार को ई-वाहन के बारे में नवीनतम तकनीकों, इनके लाभ और अन्य जानकारी बारे जागरूक करने के लिए आरटीओ स्तर पर जागरूकता शिविर, कार्यशालाएं, ई-वाहन डेमो भी आयोजित करेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी राजीव गांधी स्वरोजगार योजना युवाओं को स्टार्ट-अप के माध्यम से सुनिश्चित स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के साथ ही वाहन प्रदूषण में अपेक्षाकृत कमी लाते हुए हिमाचल को हरित राज्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।
-54 किसान परिवारों ने 10 एकड़ में तैयार किया मालटे का बागीचा प्रदेश सरकार के शिवा प्रोजेक्ट की बदौलत जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र का छोटा सा तरेहल गांव फल गांव के रूप में जाना जाने लगा है। गांव के 54 किसान परिवारों ने हिमाचल प्रदेश उपोष्णकटिबंधीय बागबानी, सिंचाई और मूल्यवर्धन एचपी-शिवा परियोजना में लगभग दो करोड़ के पूर्ण सहयोग से 10 एकड़ क्षेत्र में मालटे का बगीचा तैयार कर उदाहरण पेश कर दिया है। लगभग 10 हजार मालटे की उन्नत किस्म के पौधों में तैयार फसल को देखने दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का केंद्र बने तरेहल गांव में खरीदार भी आने लगे हैं। जंगली तथा लावारिस जानवरों के प्रकोप और सिंचाई की सुविधा के अभाव में इस गांव की बंजर पड़ी 250 कनाल भूमि किसानों की अच्छी कमाई का जरिया बन गई है। बागीचे में भूमि विकास, टपक सिंचाई सुविधा, बिजली उपलब्धता, सोलर बाड़बंदी, मशीनरी, कृषि उपकरण, उर्वरक व कीटनाश्क इत्यादि निशुल्क उपलब्ध करवाए गए हैं। इसके अतिरिक्त मालटे की पांच उन्नत किस्मों के 9929 पौधे उपलब्ध करवाए गए हैं। बागीचे में सिंचाई सुविधा के लिए एक लाख 80 हजार लीटर क्षमता के पांच टैंक, बिजली का ट्रांसफार्मर, सोलर बाड़बंदी इत्यादि पर दो करोड़ रुपए व्यय किया गया है। उद्यान विकास अधिकारी लंबागांव हितेश ठाकुर ने बताया कि विभाग ने तरेहल के किसानों को बागबानी की ओर प्रेरित किया तथा किसानों के सहयोग से तरेहल में मालटे का बागीचा तैयार किया गया है। इच्छुक परिवार संबधिंत विकास खंड कार्यालय में उद्यान विकास अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
-बीती रात बाथु गांव में प्रवासियों की झुग्गी में लगी आग -बुरी तरफ झुलसा व्यक्ति पीजीआई चंडीगढ़ रेफर ऊना जिले के हरोली में बीती रात प्रवासियों की झुग्गी में आग लग गई। इस घटना में एक प्रवासी महिला और उसके बेटा-बेटी जिंदा जल गए, वहीं उसका पति आग में बुरी तरह झुलस गया, जिसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान सुमित देवी (25) पत्नी विजय शंकर निवासी उत्तर प्रदेश हाल रिहायश बाथु उम्र साल, इसका बेटा अंकित (9 महीने) तथा बेटी नैना (5) के तौर पर हुई है। वहीं, पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किए व्यक्ति की पहचान विजय शंकर (30) निवासी उत्तर प्रदेश हाल रिहायश बाथु के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक यह घटना बीती देर रात 12:30 बजे बाथु गांव में पेश आई। झुग्गी में परिवार के चार लोग सो रहे थे और अचानक आग लग गई। अंदर सो रहे लोग बाहर नहीं निकाल पाए। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है
गवर्नमेंट बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुनिहार के एनएसएस प्रभारी लीला शंकर व मोनिका चौधरी ने बताया कि स्कूल के दो एनएसएस स्वयंसेवियोंं नैना व विशाल का चयन पूर्व गणतंत्र परेड प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। दोनों ने चामिया स्कूल में हुए सिलेक्शन कैंप में भाग लिया था। इस एक दिवसीय सिलेक्शन कैंप में जिला सोलन के विभिन्न स्कूलों से लगभग 150 एनएसएस वॉलंटियर ने भाग लिया व इन वॉलिंटियर्स में से 37 बॉयज और 37 गर्ल्स का चयन मेगा कैंप के लिए किया गया, जो कि जनवरी माह में जिला ऊना में होगा। प्रधानाचार्य भूपेंद्र ठाकुर, एसएमसी अध्यक्ष रणजीत ठाकुर व सभी सदस्यों ने इन बच्चों की सिलेक्शन के लिए बच्चों व अभिभावकों को शुभकामनाएं दी हंै।
वर्तमान मानसून में आई आपदा के दौरान राज्य में आवास क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचा है और राज्य सरकार ने राहत एवं पुनर्वास उपायों के लिए विभिन्न पहल की हैं। सरकार द्वारा पुनर्निर्माण प्रक्रिया में 'बिल्ड बैक बैटर' का पालन करने के लिए आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क द्वारा सुझाई गई रणनीतियों को ग्रामीण निर्माण के सभी स्तरों पर अपनाया जा रहा है। सरकार के विभिन्न अंगों विशेषकर ग्रामीण विकास विभाग के पास उपलब्ध तकनीकी विशेषज्ञता को संवेदनशील बनाने के लिए विभाग के इंजीनियरिंग विंग के लिए 19 दिसंबर को प्रात: 11 बजे से एक वेबिनार का आयोजन किया जा रहा है। निदेशक-सह-विशेष सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, डीसी राणा ने बताया कि इसमें सभी विकास खंड स्तर पर प्रतिभागियों को भविष्य की आपदाओं के दृष्टिगत लोगों और समुदायों के लिए जोखिम को कम करने के उद्देश्य से 'बिल्ड बैक बैटर' रणनीतियों के अनुरूप पुनर्निर्माण कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षित निर्माण प्रथाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा।
-कहा, एक करोड़ से निर्मित होने वाले सिरमौरी हाट से मजबूत होगी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज सिरमौर जिला के पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पुरूवाला में सिरमौरी हाट की आधारशिला रखी। 450 वर्ग मीटर में निर्मित होने वाले इस तीन मंजिला भवन में सभी मूलभूत सुविधाओं के सृजन का प्रावधान है। इसके निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। भवन का निर्माण जल्द पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरमौर जिला के सराहां में 'शी हाटÓ की तर्ज पर निर्मित किया जाने वाला यह हाट क्षेत्र की आर्थिकी को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्र के लोगों विशेष कर महिलाओं को अपने हस्तशिल्प तथा खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित करने तथा उनकी बिक्री के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि सिरमौरी हाट में स्थानीय ग्राम पंचायत तथा आसपास के क्षेत्र के स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि हाट में सिरमौर जिला के पारंपरिक व्यंजन भी उपलब्ध होंगे जिससे पर्यटकों को क्षेत्र की समृ़द्ध जीवनशैली को जानने और समझने के अवसर भी प्राप्त होंगे। बोले, दुबई के निवेशकों को हिमाचल में निवेश के लिए किया आमंत्रित मीडिया के प्रतिनिधियों से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने दुबई में निवेशकों को हिमाचल प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने निवेशकों को राज्य में ऊर्जा, पर्यटन तथा हरित ऊर्जा क्षेत्र में निवेश करने के लिए प्रेरित किया तथा उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण मित्र निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए निरन्तर प्रयत्नशील है ताकि प्रदेश के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन को भी कोई नुकसान न हो। उन्होंने कहा की दुबई के निवेशक आगामी जनवरी माह में हिमाचल आएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की परिकल्पना को साकार करने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ नवोन्मेषी पहल की जा रही हैं। सरकार के इन प्रयासों को देश के साथ-साथ विदेशों में भी सराहा जा रहा है।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा के प्रांगण में साहित्य प्रेरण कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। उन्होंने मां वाणी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कवि सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस कवि सम्मेलन में एक से बढ़कर एक कवि मौजूद रहे। कवि सम्मेलन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कविताओं का आनंद लिया। इस कवि सम्मेलन में कॉलेज प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने सभी कवियों, अतिथियों और श्रोताओं का स्वागत व अभिनंदन किया। कवि सम्मलेन के दौरान कवियों ने अपने-अपने रसों से समा बांधा, जिनको सभी ने खूब सराहा। कवि सम्मेलन के अवसर पर शंकर दास सान्याल, नरेश निसार, प्रसिद्ध किशोर धीमान, शिव राज सान्याल, नीलम शर्मा, नरेश निर्गुण, रछपाल गुलेरिया, सलामुद्दीन, अजीज सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कवि सम्मेलन में कवियों-शायरों ने अपनी रचनाओं से छात्र-छात्राओं को मुखातिब करवाया और अपनी रचनाएं सुनाकर खूब वाहवाही लूटी। मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के संयुक्त तत्वावधान में हुए कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाओं से साहित्य और संस्कृति सहेजने का संदेश दिया। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जरनैल सिंह पटियाल ने कवियों और साहित्यकारों को उनके साहित्यिक योगदान के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
विधायक मलेंद्र राजन ने आज शनिवार को इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहादपुर के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की और शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और बच्चों के अभिभावकों को बधाई देते हुए मलेंद्र राजन ने कहा कि किसी भी देश और समाज का भविष्य उसकी शिक्षा व्यवस्था पर ही निर्भर करता है और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शैक्षणिक व्यवस्था में व्यापक सुधार करने जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा हर विधानसभा क्षेत्र में मॉडल स्कूल एवं उत्कृष्ट विद्यालय विकसित किए जाएंगे तथा एक-एक डे-बोर्डिंग स्कूल भी खोला जाएगा। मलेंद्र राजन ने कहा कि एक ही क्षेत्र के आस-पास के स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों के उचित उपयोग एवं शिक्षकों की बेहतर सेवाएं लेने के लिए क्लस्टर सिस्टम आरंभ किया गया है। जिससे बच्चों को एक ही जगह पर अच्छी सुविधाएं एवं पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध होंगे। इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा अगले शैक्षणिक सत्र से पहली दो कक्षाओं में अंग्रेजी मीडियम पढ़ाने की व्यवस्था शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा स्कूलों में शिक्षकों की कमी को प्राथमिकता पर पूरा किया जा रहा है। इससे पहले स्कूल के प्रिंसिपल राहुल देव ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस मौके पर बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। उन्होंने स्कूल में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अपनी ओर से 11 हजार रुपए तथा बहादपुर में दो सोलर लाइट लगवाने की घोषणा की।
-कहा, प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए कृतसंकल्प विधायक मलेंद्र राजन ने आज शनिवार को वन विश्राम इंदौरा में 11 गरीब बेटियों की शादी के लिए मुख्यमंत्री शगुन योजना के अंतर्गत 3 लाख 41 हजार रुपये की राशि के चेक वितरित किए। इस मौके पर एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। मलेंद्र राजन ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार आम लोगों की सरकार है, जिसमें महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों सहित समाज के हर वर्ग को सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री शगुन योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मदर टेरेसा योजना, विधवा पुनर्विवाह जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई गई हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पात्र महिलाओं को निकट भविष्य में 1500 रुपए प्रदान करने की घोषणा की है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने अगले वित्त वर्ष से विधवा महिलाओं के बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन करने की भी घोषणा की है। मलेंद्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आगामी कुछ माह में वर्तमान राज्य सरकार द्वारा सरकारी क्षेत्र में 20 हजार रोजगार के अवसर प्रदान करने की घोषणा की है जिनमें वन मित्र भर्ती, पटवारी भर्ती, मल्टीटास्क वर्कर, पुलिस व शिक्षक भर्ती इत्यादि शामिल हैं। इस अवसर पर सीडीपीओ ओम प्रकाश, इंदौरा पंचायत के प्रधान भूपाल कटोच सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
-पुस्तक 'न्यूजलेटर ऑफ रोटरी सोलन' का विमोचन भी किया पुराना उपायुक्त कार्यालय सोलन में स्थापित 'लाईब्रेरी बुक हब' में अधोसंरचना स्तरोनयन एवं आधुनिकीकरण कार्य का हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अजय मोहन गोयल आज यहां लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश के शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अजय मोहन गोयल ने कहा कि यह लाईब्रेरी बुक हब युवाओं का भविष्य उज्जवल बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है। उन्होंने आशा जताई कि इस पुरस्तकालय से ज्ञान प्राप्त कर प्रतिस्पर्धा के दौर में कठिन परिश्रम से युवा उच्च स्थान प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि दूर दराज के क्षेत्र में जहां पुस्तकालय की सुविधा नहीं है वहां पुस्तकालय खुलवाने के लिए माननीय उच्च न्यायायल से आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। अजय मोहन गोयल ने इस अवसर पर रोटरी क्लब सोलन की पुस्तक 'न्यूज़लेटर ऑफ रोटरी सोलन' का विमोचन भी किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रदेश के शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने इस अवसर पर कहा कि लाईब्रेरी के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत के लिए राजा राम मोहन राय लाईब्रेरी फाउडेंशन से 02.23 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत है। इस योजना के तहत एक करोड़ रुपए डिजिटल व आधुनिक अधोसंरचना विकास तथा 20 लाख रुपए दिव्यांग बच्चों को लाईब्रेरी का लाभ पहुंचाने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि सोलन स्थित लाईब्रेरी बुक हब में लगभग 1.30 लाख पुस्तकें युवाओं को पढ़ने के लिए उपलब्ध है। भविष्य में लाईब्रेरी का दायरा बढ़ाने पर भी कार्य किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक बच्चों को पढ़ने के लिए जगह उपलब्ध हो सके। राकेश कंवर ने कहा कि अब तक लाईब्रेरी बुक हब से पढ़कर 1500 से अधिक युवाओं का विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में चयन हुआ है। यह बुक हब सोलन व आस-पास के क्षेत्रों के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध करवा रहा है।
-उप मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को दिए निर्देश -बोले, प्रत्येक पटवार सर्कल पर एक भूमि बैंक किया जाए चिन्हित विभागीय अधिकारी विकास व जन कल्याण से संबंधित कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए न्यूनतम समयावधि में पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि प्रदेश सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही योजनाओं व कार्यक्रमों द्वारा क्षेत्रवासियों को निर्धारित समय सीमा में लाभांवित किया जा सके। यह निर्देश उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उप मंडल मुख्यालय हरोली में राजस्व तथा ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ आयोजित बैठक में दिए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भविष्य में बड़ी परियोजनाओं को मूर्तरूप देने के लिए क्षेत्र में एक बड़े भूमि बैंक का होना आवश्यक है। उन्होंने राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रत्येक पटवार सर्कल स्तर पर एक भूमि बैंक चिन्हित किया जाए, ताकि भूमि की उपलब्धता के अनुसार भविष्य की परियोजनाओं के लिए स्थान का चयन किया जा सके। उन्होंने कहा कि उपमंडल मुख्यालय हरोली में एसडीएम, डीएसपी, तहसीलदार तथा खंड विकास अधिकारी सहित सभी अधिकारियों के लिए सरकारी आवासों का निर्माण किया जाएगा, ताकि उपमंडल के सभी उच्च अधिकारी सुविधाजनक माहौल में क्षेत्र वासियों को बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकें। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पंचायत भवन के निर्माण में 1 करोड़ 14 लाख रुपए तीन किस्तों में दिए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि हर पंचायत में 2 से 3 कार्य इस तरह से किए जायें, जिससे सुंदरता के साथ-साथ उस क्षेत्र को विकास की दृष्टि से विशेष पहचान मिल सके। बैठक में मनरेगा, 15 वें वित्त आयोग के अंतर्गत विकास कार्यों के अलावा स्वच्छ भारत मिशन तथा एनआरएलएम इत्यादि विभिन्न विषयों पर सिलसिलेवार विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला पटवारी व कानूनगो संघ ऊना के अध्यक्ष रविंद्र शर्मा तथा जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार ने उप मुख्यमंत्री का विधिवत स्वागत किया तत्पश्चात एसडीएम हरोली विशाल शर्मा तथा खंड विकास अधिकारी मुकेश कुमार ने उपमुख्यमंत्री को सम्मानित किया।
हिमाचल प्रदेश में जनजातीय क्षेत्रों का विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। जनजातीय क्षेत्रों के लोगों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के लिए सरकार ने वर्ष 2023-24 में जनजातीय क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत 857 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। यह जानकारी जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां जनजातीय विकास विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चार एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूल प्रदेश के जनजातीय विद्यार्थियों को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। वर्ष 2023-24 में इन स्कूलों में 24,794 विद्यार्थी दाखिल हुए हैं। प्रधानमंत्री वन धन विकास कार्य के तहत प्रदेश में चलाए जा रहे चार वन धन विकास केन्द्रों के माध्यम से जनजातीय लोगों को प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कर आजीविका प्रदान की जा रही है। बैठक के दौरान हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में अनुसूचित जाति तथा जनजाति के लिए प्री-एक्जामिनेशन कोचिंग सेन्टर के निदेशक प्रो. जोगिंद्र सिंह धीमान ने जनजातीय विकास मंत्री को विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं से अवगत करवाया। जगत सिंह नेगी ने कहा कि जनजातीय लोगों की सुविधा के लिए नूरपुर तथा रामपुर में जनजातीय भवनों का निर्माण किया जा रहा है। वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत प्रदेश के जनजातीय गांवों का विकास किया जाएगा। इस अवसर पर संयुक्त सचिव जनजातीय विकास डॉ. विक्रम सिंह नेगी, संयुक्त निदेशक जनजातीय विकास कैलाश चौहान, कुलसचिव हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय डॉ. वीरेन्द्र शर्मा, उच्च शिक्षा तथा निदेशालय अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्षम लोगों के सशक्तिकरण के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक लंबगांव की तरफ से आज बाबा कोडगिर मंदिर लंबागांव में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता शाखा बैंक प्रबंधक कुलदीप शर्मा व कमल कुमार ने की। इसमें लंबागांव शाखा के प्रबंधक ने स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को बैंक द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्हें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री ज्योति बीमा, दुर्घटना बीमा, एटीएम व फ्रॉड से बचने के लिए जागरूक किया गया।
कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आज पार्टी कार्यकर्ताओं को बांग्लादेश मुक्ति युद्ध 1971 पर एक प्रेणादायक फिल्म दिखाई गई, जिसमें इस युद्ध के दौरान भारतीय सेना का शौर्य व पराक्रम और तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की कूटनीति को दर्शया गया है । बांग्लादेश मुक्ति युद्ध 1971 की 52 वीं वर्षगांठ पर भारीतय सेना की शौर्यगाथा व तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व इंदिरा गांधी पर आधारित इस फिल्म में उन सब वीर सेना के जवानों जिन्होंने इस युद्ध के दौरन अपना सर्वोच्च बलिदान देते हुए वीरगति को प्राप्त किया उनके बारे भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशानिर्देश पर आज पूरे देश में पार्टी कार्यलयों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के प्रेणादायक कार्यक्रम आयोजित किये गए।
किन्नौर जिला के छोलतू स्थित वन विश्राम गृह में विभिन्न विभागों द्वारा संयुक्त रूप से एक विभागीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम पंचायत चगावं, पूनंग व रामनी के 45 लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर बागवानी विभाग के विशेष वस्तु विशेषज्ञ डॉ. बलबीर सिंह चौहान ने कहा की इस प्रकार के संयुक्त विभागीय जागरूकता शिविर प्रदेश सरकार की एक पहल है ताकि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं से आम जनता को जागरूक कर लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने बताया की जिला की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विभागीय जागरूकता शिविरों का आयोजन समय-समय पर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में उद्यान विभाग, कृषि विभाग, वन विभाग, पशुपालन विभाग, उद्योग विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, अनुसूचित जाति व जनजाति निगम, खाद्य, नागरिक एवं आपूर्ति विभाग तथा लीड बैंक किन्नौर से आए अधिकारियों ने उनके संबंधित विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को विस्तृत जानकारी प्रदान कर जागरूक किया।
-शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीता गोल्ड मेडल -आलमपुर के स्नेक सेवर माथुर धीमान की बेटी है खुशी विधानसभा जयसिंहपुर क्षेत्र के आलमपुर के स्नेक सेवर माथुर धीमान की बेटी खुशी धीमान दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में अपने मुक्के का दम दिखाएगी। राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन 4 से 8 जनवरी तक किया जाएगा। खुशी धीमान ने शिमला में आयोजित अंडर-17 राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। शिमला में 13 से 15 दिसंबर तक हुई प्रतियोगिता में खुशी ने 45 से 50 किलो भार वर्ग में सोलन की प्रतिभागी को हराकर गोल्ड मेडल जीता है। खुशी धीमान ने इस उपलब्धि का सारा श्रेय अपने कोच सूर्याभान सिपहिया, स्कूल के डीपीई अवनीश कुमार और अपने पिता माथुर धीमान को दिया है।
हिमाचल प्रदेश कैबिनेट के नवनियुक्त मंत्री यादविंद्र गोमा ने आज यहां सचिवालय के नए भवन के कमरा नंबर 625 में पूजा के पश्चात अपना कार्यभार संभाला। यादविंद्र गोमा ने नई जिम्मेदारी के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया और कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वह इस नए दायित्व को जिम्मेदारी से निभाते हुए प्रदेश हित में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने व्यवस्था परिवर्तन का जो नारा दिया है उसी के अनुरूप भविष्य में जिस भी विभाग की जिम्मेदारी मिलेगी, वह उसे बखूबी निभाने का प्रयास करेंगे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए कृतसंकल्प है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिला कांगड़ा के विकास के लिए अनेक परियोजनाएं चलाई हैं और वह इन्हें गति प्रदान करने में पूर्ण सहयोग देंगे। इस अवसर पर नगर निगम शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान, कांग्रेस के पदाधिकारियों, जिला कांगड़ा व प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं सहित सचिवालय के कर्मियों ने उन्हें बधाई दी।
-बोले, जहां-जहां कांग्रेस सरकार, वहां भ्रष्टाचार चरम पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल और कर्नाटक के लोग कांग्रेस सरकार से परेशान हो चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के स्वागत समारोह में बिलासपुर पहुंचे अनुराग ठाकुर ने कहा कि झूठी गारंटियों से किस प्रकार सरकार बनाई जाती है, कांग्रेस इसका उदाहरण है। हिमाचल और कर्नाटक में कांग्रेस ने यही काम किया है और अब दोनों राज्यों की जनता इनसे परेशान हो गई है। अनुराग ने कहा कि जहां जहां कांग्रेस की सरकार रही, वहां पर भ्रष्टाचार चरम पर रहा। अनुराग ने कहा कि पूरी दुनिया में प्रधानमंत्री की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और जेपी नड्डा की कुशलता से जीत हासिल की है। उनके कुशल नेतृव में पार्टी नई ऊंचाइयों को छू रही है। तीन राज्यों में जनता ने जिस प्रकार से भाजपा को चुना, वह दर्शाता है कि भाजपा से लोग खुश हैं। इन चुनावो में पार्टी का वोट प्रतिशत भी बढ़ा है।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार की स्वयंसेविका पलक ठाकुर का पूर्व गणतंत्र परेड प्रशिक्षण शिविर के लिए चयन हुआ है। जानकारी देते हुए कार्यक्रम अधिकारी पूनम शर्मा ने बताया कि विद्यालय से दो एनएसएस स्वयंसेवक वरुण कंवर और पलक ठाकुर ने राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत जिला स्तरीय चयन शिविर में भाग लिया, जो कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चामीयां, जिला सोलन में 15 दिसंबर को आयोजित किया गया था। इस शिविर में अच्छा प्रदर्शन करने पर विद्यालय से एनएसएस स्वयंसेविका पलक ठाकुर का चयन पूर्व परेड प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है, जो कि जिला ऊना में आयोजित किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने इसके लिए स्वयंसेवकों व इनके अभिभावकों एवं एनएसएस प्रभारी पूनम शर्मा, पुर्शोत्तम लाल गुलेरिया को बधाई दी। विद्यालय मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा व सभी अध्यापकों ने भी इन स्वयंसेवकों को बधाई दी है व उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
-निकिता चल तो नहीं सकती, पर हौसला पहाड़ की तरह मजबूत जिला कांगड़ा की निकिता चौधरी हिमाचल प्रदेश की पहली 'डॉक्टर ऑन व्हील चेयर' होंगी। नगरोटा बगवां की रहने वाली निकिता चौधरी ने अपने पहले ही अटेम्प्ट में साल 2022 में नीट की परीक्षा पास की और बता दिया कि दिव्यांगता कोई अभिशाप नहीं है। 19 साल की निकिता चौधरी चल तो नहीं सकती, लेकिन उनका हौसला पहाड़ की तरह मजबूत है। निकिता चौधरी टांडा मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। निकिता चौधरी व्हील चेयर पर रहकर ही अपना सारा काम करती हैं। व्हील चेयर पर ही वे रोजाना पढ़ाई के लिए भी टांडा मेडिकल कॉलेज जाती हैं। साल 2028 तक निकिता की पढ़ाई खत्म होगी और वे हिमाचल प्रदेश की पहली 'डॉक्टर ऑन व्हील चेयरÓ बन जाएंगी। प्रो. अजय का निकिता को एडमिशन दिलवाने में रहा अहम रोल निकिता चौधरी ने बताया कि जब उन्होंने टांडा मेडिकल कॉलेज में एडमिशन के लिए अप्लाई किया, तो वहां एक डॉक्टर ने उन्हें आईएएस बनने की सलाह दी। इस पर निकिता ने सोचा कि अगर वह खुद को ही न्याय नहीं दिला पा रही है, तो आईएएस बनकर भी लोगों के साथ कैसे न्याय करेंगी? इसके बाद उन्होंने ठानी की उन्हें हर हाल में मेडिकल कॉलेज में एडमिशन लेकर डॉक्टर बनना है। हिमाचल प्रदेश में दिव्यांग मामलों के नोडल अधिकारी प्रो. अजय श्रीवास्तव का निकिता के जीवन में अहम योगदान रहा। प्रो. अजय श्रीवास्तव ने निकिता को एडमिशन दिलवाने की कानूनी लड़ाई लड़ी और अब भी वे पूरे परिवार के सदस्य की तरह निकिता का साथ दे रहे हैं। हौसले हों बुलंद तो कुछ भी नामुमकिन नहीं निकिता चौधरी ने कहा कि अगर ठान लिया जाए, तो कुछ भी हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अन्य दिव्यांग बच्चों से भी अपील की है कि वे डरकर घर पर न बैठे और समाज में अपना नाम बनाने के लिए डटकर हर चुनौती का सामना करें। निकिता चौधरी चाहती हैं कि प्रदेश में दिव्यांगों के लिए एक्सेसिबिलिटी को बेहतर किया जाए, ताकि दिव्यांगों को परेशानी ना हो। निकिता चाहती हैं कि उन्हें भी समाज में वही जगह मिले, जो हर किसी को मिल रही है। लोगों को ना तो दु:ख जाहिर करने की जरूरत है और ना ही दया दिखाने की। जरूरत है तो सिर्फ समाज में उन्हें आगे बढ़ाने के लिए सहयोग की। पहाड़ जैसे जज्बे वाली पहाड़ी राज्य की रहने वाली निकिता चौधरी आज हर किसी के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुकी हैं।
-हमीरपुर और बिलासपुर जिले को रेल लाइन से जोड़ने के लिए विभाग ने शुरू की प्रक्रिया हिमाचल में रेल लाइन का विस्तार कर राज्य के हमीरपुर और बिलासपुर जिलों को रेल लाइन से जोड़ने के लिए रेलवे विभाग ने सर्वे शुरू कर दिया है। अगले साल के शुरू में ही हमीरपुर और बिलासपुर के लोगों को रेल लाइन से जोड़ने के लिए रेलवे विभाग ने पहल शुरू की है। रेलवे ने रेल ट्रैक की जद में आने वाले करीब चार-पांच सर्किलों का ड्रोन सर्वे शुरू कर दिया है। विभाग ने बाकायदा वहां निशानदेही कर नंबर तक दर्ज किए हैं। यह सर्वे कांगड़ा जिले के रानीताल से बिलासपुर वाया हमीरपुर के बीच 100 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाने के लिए प्रस्तावित था। इसी कड़ी में अब रेलवे ने सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। इसके तहत कई स्थानों का ड्रोन के माध्यम से सर्वे किया जा चुका है। जिन-जिन क्षेत्रों का सर्वे हुआ है और रेल लाइन की संभावनाएं तलाशी गई हैं, उन क्षेत्रों में विभाग ने निशानदेही भी की है। बता दें कि उत्तर रेलवे ने रेल लाइन की जद में आने वाले तीन जिलों कांगड़ा, हमीरपुर और बिलासपुर प्रशासन से कुछ डाटा मांगा था। 100 किलोमीटर लंबे ट्रैक में बनेंगे 11 स्टेशन 100 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक में 11 रेलवे स्टेशन होंगे। इनमें पहला प्रस्तावित स्टेशन बालू ग्लोआ (10 किमी), ज्वालामुखी (17 किमी), नादौन (26 किमी), जटियाला (37 किमी), हारखालसा (45 किमी), हमीरपुर (50 किमी), भोटा (60 किमी), जरल (69 किमी), बभेली (78 किमी), पनोल (86 किमी) और बिलासपुर (100 किमी) की दूरी पर प्रस्तावित हैं। जिला प्रशासन ने रेलवे विभाग को दीं मांगी जानकारियां कांगड़ा जिले के उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि रेलवे विभाग ने मार्च में जिला प्रशासन से कुछ जानकारियां मांगीं थीं, जो मुहैया करवा दी गई हैं। रेलवे विभाग की ओर से किए जाने वाले सर्वे की अभी तक कोई सूचना नहीं है।
-दुबई के एमिरेत्स हिल्स में 50 प्रवासी हिमाचलियों के साथ की बैठक -हिमाचल में 6,000 करोड़ निवेश करने के हैं इच्छुक दुबई के उद्योगपति हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू यूएई के दौरे पर हैं। वे वहां निवेशकों से हिमाचल में निवेश करने के लिए आमंत्रित करने गए हैं। उन्होंने शुक्रवार देर सायं यूएई के दुबई में हिमाचली निवेशकों को राज्य में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री ने दुबई के एमिरेत्स हिल्स में 50 प्रवासी हिमाचलियों के साथ बैठक की। दुबई के उद्योगपतियों ने हिमाचल प्रदेश में 6,000 करोड़ रुपये के निवेश की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री सुक्खू शनिवार को दुबई से स्वदेश लौटेंगे। शनिवार को मुख्यमंत्री के दिल्ली में रुकने की संभावना है। रविवार को राजधानी शिमला पहुंचने के आसार हैं। मुख्यमंत्री के साथ सात सदस्यीय दल भी दुबई गया है। शुक्रवार सायं करीब 6 बजे प्रवासी हिमाचलियों के साथ मुख्यमंत्री की बैठक शुरू हुई। निवेशकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश आपका अपना राज्य है। ऐसे में आप सबका फर्ज बनता है कि हिमाचल के विकास में सहयोगी बनें। उन्होंने कहा कि हिमाचल में निवेश करने वाले निवेशकों को सरकार की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। विभिन्न औपचारिकताएं पूरा करने के लिए किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। सरकार सिंगल विंडो के माध्यम से स्वयं हर बाधा और औपचारिकता को पूरा करने के लिए कृतसंकल्प रहेगी। बैठक में मौजूद अधिकारियों के अनुसार कई निवेशकों ने हिमाचल प्रदेश में निवेश के लिए सकारात्मक रुख अपनाया है। संभावित है कि करीब 6,000 करोड़ का निवेश होगा।
-हाई कोर्ट बार एसोसिएशन ने सरकार के फैसले का किया विरोध -कहा, अपने फैसले पर पुन: विचार करे सरकार सेवा मामलों को फिर से निपटाने के लिए ट्रिब्यूनल खोलने का विरोध करते हुए हाई कोर्ट बार एसोसिएशन ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है। वकीलों ने इस मामले पर पुनर्विचार करवाने का आग्रह किया है। संगठन की अध्यक्ष दिलीप कैथ अपनी टीम के साथ शुक्रवार को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से मिले। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का कहना है कि राज्य सेवा प्राधिकरण को पुन: खोलना वादियों के हक में नहीं है। इससे उन्हें न्याय मिलने में और अधिक देरी होगी। सेवा प्राधिकरण को पहले ही दो बार बंद किया जा चुका है। गौरतलब है कि वर्ष 1986 में पहली बार सेवा प्रशासनिक प्राधिकरण का गठन किया था। जुलाई 2008 में प्राधिकरण को बंद कर दिया। प्राधिकरण बंद होने के पश्चात 25000 मामलों को हाई कोर्ट के लिए स्थानांतरित कर दिया। इसके पश्चात फरवरी 2015 में प्रशासनिक प्राधिकरण का पुन: गठन किया गया। सेवा संबंधी सारे मामले पुन: गठित किए प्रशासनिक प्राधिकरण के लिए स्थानांतरित किए गए। अगस्त, 2019 में फिर से प्राधिकरण को बंद कर दिया और 24000 मामले जो प्राधिकरण के समक्ष लंबित पड़े थे उनको तथा निपटाए गए सारे मामलों का रिकार्ड हाई कोर्ट के लिए स्थानांतरित किया। प्राधिकरण के बंद होने के कारण ही प्रदेश उच्च न्यायालय में जजों की संख्या 13 से बढक़र 17 की गई, ताकि मामलों का शीघ्र निपटारा किया जा सके। 2008 के पश्चात 70- 80 फीसदी स्टाफ सेवानिवृत्त हो चुका है। ट्रिब्यूनल के लिए 150 के लगभग अतिरिक्त पदों को सृजित करने की आवश्यकता है। 24000 से अधिक लंबित मामले दोबारा ट्रिब्यूनल के लिए स्थानांतरित किए जाएंगे, जिनका दोबारा से पंजीकरण होगा। अप्रशिक्षित स्टाफ के कारण इस कार्य के लिए ही दो से तीन वर्ष का समय लग जाएगा। अब राज्य सरकार सेवा प्रशासनिक प्राधिकरण खोलने बाबत निर्णय ले चुकी है। इसके विरोध में हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने ज्ञापन सौंप कर राज्यपाल से इस पर पुनर्विचार करवाने को कहा है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा की फेसबुक पोस्ट ने एक बार फिर प्रदेश का सियासी पारा गरमा दिया है। कांग्रेस सरकार के दूसरे कैबिनेट विस्तार में भी जगह नहीं पाने के बाद सुधीर शर्मा ने फेसबुक पर लिखा- 'युद्धं निरंतर भवति, दैवेन सह, कालेन सह, अस्माभि: सह' पोस्ट डाला है। इसका अर्थ लड़ाई जारी है, भाग्य से, वक्त से, अपने आप से है। बता दें कि पिछले साल 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 7 कैबिनेट मंत्रियों सहित शपथ ली थी। उस समय भी सुधीर शर्मा को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया था। इसके बाद सरकार के करीब एक साल के कार्यकाल के बाद हुए मंत्रिमंडल विस्तार में सुधीर को फिर से नजरअंदाज किया गया। हालांकि उन्होंने नवनियुक्त दोनों मंत्रियों को मंत्री बनने पर बधाई तो दी है, लेकिन वीरवार देर रात डाली फेसबुक पोस्ट ने सर्द मौसम में प्रदेश की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया है।
ज्वालामुखी उप मंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत दरंग में स्थानीय निवासी चमन गोस्वामी के मकान में अचानक आग लगने से मकान आग की भेंट चढ़ गया। सूचना के अनुसार उक्त मकान में यूपी की लेबर किराए पर रहती थी। शुक्रवार देर शाम जब वे लोग काम करने के बाद लौटे तो मकान में आग लगी हुई थी। आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है।
कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मंडाविया से भेंट की और राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, टांडा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। कृषि मंत्री ने टांडा मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों के लंबित 50 करोड़ रुपये के शीघ्र भुगतान का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को टांडा मेडिकल कॉलेज के यूरोसर्जरी विभाग में लिथोट्रिप्सी मशीन, टेस्ला एमआरआई मशीन, पेट स्कैन, लैप्रोस्कोपिक उपकरण, आधुनिक थ्री-डी अल्ट्रासांउड मशीन, कैंसर रोगियों के लिए ब्रैकीथैरिपी मशीन व लीनियर एक्सेलरेटर, एनस्थिसिया वर्कस्टेशन, कार्डियोलॉजी विभाग के लिए कैथ लैब और हैपेटोलॉजी के लिए फाइब्रोस्कैन सुविधा उपलब्ध करवाने पर भी चर्चा की। कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार तथा शाहपुर से विधायक केवल पठानिया ने केंद्रीय मंत्री से कांगड़ा जिला के शाहपुर के लिए ट्रॉमा सेंटर स्वीकृत करने का भी आग्रह किया। केवल पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से होकर राष्ट्रीय उच्च मार्ग गुजरता है और दुर्घटना इत्यादि की स्थिति में यह ट्रॉमा सेंटर त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने में कारगर साबित होगा। केंद्रीय मंत्री ने सभी मांगें ध्यानपूर्वक सुनीं और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
हिमाचल प्रदेश देश में फलों विशेषकर सेब के लिए प्रसिद्ध है। राज्य की आर्थिकी में सेब की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश सरकार सेब व्यापार से जुड़े सभी हितधारकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। यह जानकारी बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां सेब उत्पादन एवं विपणन से जुड़े हितधारकों के हितों की रक्षा के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी), हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम सीमित (एचपीएमसी), कृषि उत्पाद विपणन समिति (एपीएमसी) तथा हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। जगत सिंह नेगी ने कहा कि राज्य सरकार सेब व्यापार में लिप्त धोखाधड़ी करने वालों के बारे प्रदेश के लोगों को जागरूक करेगी। राज्य में कृषि उत्पाद विपणन समिति अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा ताकि धोखा करने वाले लोगों को पकड़ा जा सके और राज्य व सेब उत्पादकों को होने वाले नुकसान को रोका जा सके। अधिकारियों द्वारा पकड़े जाने पर लाइसेंस रद्द किया जाएगा। बागवानी मंत्री ने अधिकारियों को फल मंडियों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए ताकि ऐसे मामलों को समाप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी नियमों का पालन सख्ती से किया जाए ताकि हितधारकों को कोई परेशानी न आए। एसआईटी, एचपीएमसी, एपीएमसी तथा हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड को मिलजुल कर कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान एसआईटी के सदस्य अरविंद दिग्विजय नेगी ने भी अपनी प्रस्तुति दी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सतवंत अटवाल, प्रबंध निदेशक एचपीएमसी सुदेश कुमार मोखटा, कृषि उत्पाद विपणन समिति, हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. इंद्र देव को एग्रोनॉमी के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए इंडियन सोसाइटी ऑफ एग्रोनॉमी ने आईएसए फेलो-2022 के रूप में चुना है। डॉ. देव को हाल ही में आईसीएआर केंद्रीय तटीय कृषि अनुसंधान संस्थान गोवा में आयोजित 'लचीली उत्पादन प्रणालियों और आजीविका सुरक्षा के लिए जलवायु स्मार्ट कृषि विज्ञान' पर आयोजित 22वीं द्विवार्षिक राष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान सोसायटी का फेलो चुना गया। इस संगोष्ठी के दौरान विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने दो सर्वश्रेष्ठ पेपर पुरस्कार भी अपने नाम किए। उत्तर-पश्चिमी हिमालय के मध्य पहाड़ी क्षेत्र में जंगली अनार आधारित कृषि वानिकी प्रणाली के तहत स्ट्रॉबेरी कैमरोसा के फल की गुणवत्ता पर विभिन्न पोषक तत्वों के स्रोतों और मल्च का प्रभाव विषय पर लिखे शोध पत्र जिसे डॉ. प्रेम प्रकाश, अंशुल ठाकुर, डॉ. डीआर भारद्वाज, डॉ. हित बिशिस्ट और डॉ. प्रमोद वर्मा ने लिखा था को सर्वश्रेष्ठ पेपर पुरस्कार मिला। इसके अतिरिक्त डॉ. पारुल शर्मा, शेहनाज खान, साक्षी, कृतिका खागटा, डॉ. रजनीश शर्मा और डॉ. विशाल राणा द्वारा लिखित एक अन्य पेपर एक्टीनिडिया प्रजाति के प्रचार के लिए टिशू कल्चर आधारित हस्तक्षेप विषय पर उनके शोध पत्र के लिए सर्वश्रेष्ठ पेपर पुरस्कार से नवाजा गया।
विधानसभा के विधायक व नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा का आलमपुर में होगा भव्य स्वागत। जयसिंहपुर विधानसभा को पहली बार कैबिनेट मंत्री मिलने पर विधानसभा की जनता में खुशी का माहौल है। अपने विस क्षेत्र में पहुंचने पर रविवार को सुबह 9 बजे ब्यास नदी में बने पुल आलमपुर में यादविंदर गोमा का भव्य स्वागत किया जाएगा। एसडीएम संजीव ठाकुर ने बताया कि यादविंदर गोमा के कैबिनेट मंत्री बनने के उपरांत पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र आगमन पर स्वागत के लिये जयसिंहपुर में शुक्रवार को बैठक का आयोजन की गया। जयसिंहपुर प्रशासन ने मंत्री के स्वागत समारोह के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। आलमपुर के बाद बालक रूपी, जांगल, गंदड चौक, तलवाड़, अपर लंबागांव, लोअर लंबागांव, जयसिंहपुर, उत्तरापुर, टंबर, दगोह, मंझेरा, तीनबड चौक, खजूरनू, केली, भुआना, अंद्रेता होकर पंचरुखी बाजार पहुंचेंगे, जहां पर इनका स्वागत होगा।
-कहा, सरकार शिक्षा में सुधार के लिए उठा रही कारगर कदम -नए सत्र से सभी प्राइमरी स्कलों में शुरू होगा इंग्लिश मीडियम विधायक मलेंद्र राजन ने आज शुक्रवार को राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदौरा में टैब वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने श्रीनिवासन रामानुजन स्टूडेंट डिजिटल योजना के तहत इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 24 सरकारी तथा निजी स्कूलों के दसवीं कक्षा के 67 तथा बारहवीं कक्षा के 88 मेधावी छात्रों को टैब वितरित किए। मलेंद्र राजन ने कहा कि ये टैब इन बच्चों को शिक्षा में काफी मददगार साबित होंगे। उन्होंने टैब प्राप्त करने वाले सभी मेधावी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की मेहनत और अध्यापकों-अभिभावकों के सयुंक्त प्रयासों से ही बच्चे अपने जीवन में ऊंचे मुकाम हासिल करते हैं। मलेंद्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार लाने के लिए कई कारगर कदम उठा रही है। नए शिक्षा सत्र से सभी प्राइमरी स्कूल की पहली दो कक्षाओं में इंग्लिश मीडियम शुरू किया जाएगा। इससे जहां सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या बढ़ेगी, वहीं शिक्षा के स्तर में भी व्यापक सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चरणबद्ध तरीके से हर विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने जा रही है जिनमें हाई-टेक स्मार्ट क्लासरूम, खेल के मैदान, इंडोर स्टेडियम, स्विमिंग पूल, म्यूजिक रूम सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मलेंद्र राजन ने कहा कि गरीब बच्चों के सपनों को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना शुरू की है, जिसके अंतर्गत गरीब बच्चों को उच्चतर शिक्षा ग्रहण करने के लिए एक प्रतिशत के नाममात्र ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है, ताकि गरीब बच्चे भी अपनी उच्चतर शिक्षा ग्रहण कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी को प्राथमिकता पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और शिक्षित व्यक्ति से ही सभ्य समाज का निर्माण होता है। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ खेल,योग तथा अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों से नशे से दूर रहने व अपनी ऊर्जा का सही दोहन करने की अपील की। उन्होंने स्कूल में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिये अपनी विधायक निधि से 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।
नाडा यंग इंडिया नेटवर्क हिमाचल की टीम ने फतेहपुर से विधायक भवानी सिंह पठानिया से मुलाकात की। नाडा यंग इंडिया के राज्य संयोजक मंगल सिंह एवं सक्रीय सदस्य विनोद कुमार ने विधायक से उनके आवास पर मुलाकात कर नाडा इंडिया परिवार की तंबाकू के विरुद्ध संघर्ष से अवगत कराया। पठानिया ने इस मुलाकात में हेल्थ टैक्स के मुद्दे पर गंभीरता से काम करने का आश्वासन दिया। उन्होंने विधानसभा सत्र के बाद इस दिशा में पहल करने की बात कही। वहीं, राज्य कोटपा कानून में संसोधन के लिए भी विशेष रुचि दिखाई। विधायक ने नाडा इंडिया के साथ तंबाकू मुक्त विधानसभा बनाने के लिए स्कूलों में कार्यक्रम चलाए जाने की बात भी कही। एक माह चलने वाला यह अभियान युवा मैराथन के साथ समाप्त होगा। नाडा के राज्य संयोजक मंगल सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र के लिए तंबाकू नियंत्रण समिति से मिलकर राज्य सरकार से कोटपा में बदलाव के लिए आग्रह करेंगे। वहीं, नाडा इंडिया हिमाचल के सक्रिय सदस्य विनोद कुमार ने कहा कि राज्य कोटपा में 2003 के बाद से विशेष बदलाव देखने को नहीं मिला है। झारखंड में कोटपा कानून में बदलाव किया जा चुका है। वहां के उदाहरण को अपने प्रदेश में भी लागू किया जा सकता है।
राज्य स्तरीय अंडर-14,17 और 19 खेल प्रतियोगिता में लड़के व लड़कियों की टीमों ने बैडमिंटन और शतरंज प्रतियोगिता के दूसरे दिन अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बैडमिंटन अंडर-17 बॉयज के फाइनल मुकाबले में क्लस्टर पालमपुर-3 विजेता रहा और क्लस्टर अंबोटा-4 उप विजेता रहा। अंडर-17 गर्ल्स में क्लस्टर पालमपुर-3 विजेता रहा और क्लस्टर मंडी -2 उप विजेता रहा। अंडर 14 गर्ल्स में क्लस्टर पालमपुर -3 विजेता और क्लस्टर अंबोटा-4 उप विजेता रहा। अंडर-14 वॉयज में क्लस्टर परमाणु-5 विजेता और क्लस्टर पालमपुर -3 उप विजेता रहा। अंडर-19 गर्ल्स में क्लस्टर अंबोटा -4 विजेता और क्लस्टर मंडी-2 उप विजेता रहा। अंडर-19 बॉयज में क्लस्टर पालमपुर -3 विजेता और क्लस्टर आलमपुर-6 उप विजेता रहा। वहीं, शतरंज टूर्नामेंट में अंडर-14 बॉयज में क्लस्टर मंडी-2 विजेता और क्लस्टर अंबोटा-4 उप विजेता रहा। अंडर 14 गर्ल्स में क्लस्टर मंडी -2 विजेता और क्लस्टर पालमपुर -3 उप विजेता रहा । अंडर 17 गर्ल्स क्लस्टर पालमपुर-3 विजेता और क्लस्टर अंबोटा-4 उप विजेता रहा। अंडर-17 बॉयज में क्लस्टर पालमपुर-3 विजेता और क्लस्टर मंडी-2 उप विजेता रहा। अंडर 19 गर्ल्स में क्लस्टर शिमला -1 विजेता और क्लस्टर पालमपुर-3 उप विजेता रहा। अंडर-19 बॉयज में क्लस्टर शिमला-1 विजेता और क्लस्टर मंडी-2 उप विजेता। नेशनल के लिए चयनित खिलाड़ी क्लस्टर पालमपुर -3 अंडर-14 बॉयज में स्वस्तिक गर्ग, आयान जमवाल, क्लस्टर मंडी -2 कुशाग्र चंदेल, आदर्श भूपल क्लस्टर अंबोटा-4 शिवम ठाकुर अंडर 14 गर्ल्स से पालमपुर-3 से ईशाना, क्लस्टर परवाणु से यशविनी, अन्या ठाकुर क्लस्टर मंडी से प्राणिका भटनागर अंडर-17 बॉयज कलस्टर पालमपुर से अतिक्ष ठाकुर, दुष्यंत, हार्दिक, कृतिक, क्लस्टर मंडी से रितेश रहे।
- प्रतियोगिता में छात्र और छात्रा वर्ग की 22 टीमों ने लिया भाग डीएवी स्कूल देहरा में शुक्रवार को प्रदेश स्तरीय दो दिवसीय छात्र व छात्रा वर्ग की अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 कबड्डी टूर्नामेंट का समापन हो गया। समापन कार्यक्रम में मुख्यातिथि पूर्व उद्योग एवं परिवहन मंत्री और जसवां परागपुर के वर्तमान विधायक बिक्रम ठाकुर रहे। बताते चलें प्रदेश के डीएवी स्कूलों के कबड्डी के राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में शिमला, ऊना, मंडी, हमीरपुर, सोलन और कांगड़ा छह जोन के छात्र और छात्रा वर्ग की लगभग 22 टीमों ने भाग लिया। जहां अंडर-14 छात्रा वर्ग में जोन सी विजेता और जोन बी उप विजेता रहा। वहीं, छात्र वर्ग में जॉन एफ विजेता और जोन बी उपविजेता रहा। अंडर-17 छात्रा वर्ग में जोन एफ विजेता और जोन बी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 छात्र वर्ग में जोन एफ पहले और जोन सी दूसरे स्थान पर रहा। अंडर-19 छात्रा वर्ग में जोन जी ने जोन ए को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। अंडर-19 छात्र वर्ग में जोन ए ने जोन डी को हराकर की ट्रॉफी अपने नाम की। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ववलित कर कार्यक्रम की शुरुवात की तदोपरांत पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर को डीएवी स्कूल प्रबंधन ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। बिक्रम ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में डीएवी संस्था का एक प्रसिद्ध नाम है। उन्होंने सभी युवा वर्ग को नशे से दूर रहकर खेलों को जीवन में अपनाने की अपील की है। इस दौरान आरओ बिके यादव ने कहा कि इस बार जो टूर्नामेंट डीएवी संस्था द्वारा आयोजित किया गया, उसे मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स से मान्यता मिली है, जिसका खिलाड़ियों को भविष्य में फायदा मिलेगा। उन्होंने मुख्य अतिथि बिक्रम ठाकुर का स्वागत भी किया। इस अवसर पर डीएवी के क्षेत्रीय प्रबंधक वीके यादव, मैनेजर विक्रम सिंह, स्कूल के प्रधानाचार्य राकेश शर्मा, डॉ. रश्मि जंबाल, विश्वास शर्मा, नगर परिषद देहरा के उपाध्यक्ष मलकियत सिंह परमार, एचपीएमसी के पूर्व निदेशक विवेक पठानिया, सुरेंद्र राणा, ललित शर्मा, केसी कटोच और अंकुश डोगरा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त भरमौर नवीन तंवर की अध्यक्षता में पंचायत स्तर पर मनरेगा के तहत पौधारोपण की कार्यशाला की शुरुआत को लेकर बैठक का आयोजन लघु सचिवालय पट्टी के सभागार में किया गया। बैठक में उन्होंने कहा कि खंड विकास अधिकारी की अगुवाई में मनरेगा के तहत पौधों का रोपण किया जाएगा, जिसमें पंचायत स्तर पर लाभार्थियों को शामिल करना सुनिश्चित बनाया जाएगा। उन्होंने लोगों से आह्वान भी किया कि जहां भी उनके पास पौधरोपण के लिए भूमि उपलब्ध है, वे संबंधित विभाग को पौधरोपण हेतु अपनी मांग जरूर दें। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को पौधरोपण पारंपरिक तरीके से और जलवायु के अनुकूल भूमि पर संयोजित ढंग से किए जाने के लिए जानकारी देने को कहा। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के लिए चयन भूमि की जांच आवश्यक होनी चाहिए, ताकि जलवायु के अनुकूल पौधरोपण किया जा सके। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को किसानों व बागवानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के बारे में जानकारी देने के लिए प्रचार प्रसार कर जागरूक करने को भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि किसानों को सेब के अलावा अनार, नाशपाती, खुमानी, अखरोट और कीवी के पौधे भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।
- न चुनावी वादा किया, न गारंटी दी; फिर भी किसान के खाते में पहुंच रहा पैसा - कोटला चिल्लियां में विकसित भारत संकल्प यात्रा को किया संबोधित योजनाओं का लाभ मिला या नहीं, यह पूछने घर-घर पहुंच रही केंद्र सरकार ने देश की राजनीति में एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया है। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने शुक्रवार को नादौन विधानसभा की ग्राम पंचायत कोटला चिल्लियां में पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान उपस्थित गांववासियों, पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि देशवासियों के लिए कल्याणकारी अच्छी योजनाएं बनाकर लागू करना और उसके बाद उन योजनाओं का अच्छे से निष्पादन सुनिश्चित कर उनकी सार्थकता सिद्ध करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की विशेषता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कभी किसी चुनावी घोषणा पत्र चुनावी वादे या गारंटी में नहीं कहा था कि देश के अन्नदाता मेहनतकश किसानों को केंद्र सरकार पैसा देगी, लेकिन आज देश के हर किसान के खाते में किसान सम्मान निधि के रूप में 6-6 हज़ार रुपये हर चार माह में मोदी सरकार डाल देती है। देश के 80 करोड़ गरीब नागरिकों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत कोरोना काल से लेकर अब तक मुफ्त राशन मोदी सरकार दे रही है।
-फाइनल में डायरेक्टर-2 की टीम को 20 रनों से किया पराजित शिमला हिमाचल प्रदेश पॉवर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के 17वें स्थापना दिवस पर समर हिल ग्राउंड में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में चेयरमैन-2 की टीम ने डायरेक्टर-2 की टीम को 20 रनों से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा किया। चेयरमैन-2 की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में चार विकेटस खोकर 201 रन बनाए। चेयरमैन-2 की ओर से सतीश ठाकुर ने नाबाद 76 रनों की पारी खेली। वहीं, नरेंद्र ठाकुर ने 29, पुनीत ने 23 और लवेश ने 16 रनों का योगदान दिया। उधर, 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए डायरेक्टर-2 की टीम 9 विकेट खोकर 181 रन ही बना सकी। डायरेक्टर-2 की ओर से अरुण ने 47, सनी ने 39 और संदीप भारद्वाज ने 11 रन बनाए। चेयरमैन-2 की और से लवेश ने सर्वाधिक 4 और योगेश ने 2 विकेटस लिए। सतीश ठाकुर को मैन ऑफ दी मैच चुना गया तथा सनी को मैन ऑफ दी टूर्नामेंट का खिताब दिया गया।
-स्कूल के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि की शिरकत -कहा, सरकार का विद्यार्थियों को गुणवत्ता युक्त शिक्षा देने पर फोकस विधायक संजय रत्न ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुरानी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और स्कूल के मेधावी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश विद्यार्थियों को गुणवत्ता युक्त शिक्षा उपलब्ध करवाने पर जोर दे रही है। इसके लिए सरकार ने स्कूलों में इंग्लिश माध्यम भी शुरू करने का निर्णय लिया है। संजय रत्न ने शिक्षकों एवं अभिभावकों से आह्वान किया कि वर्तमान परिवेश में खासकर विद्यार्थी वर्ग में सकारात्मक गुणों का समावेश किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए स्कूल को 11 हजार की राशि देने का ऐलान भी किया। इससे पूर्व स्कूल पहुंचने पर विधायक को प्रधानाचार्य अंजुला राणा ने शॉल टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब समा बांधा। समारोह में उप मंडल अधिकारी ज्वालामुखी डॉक्टर संजीव शर्मा, उप मंडल पुलिस अधिकारी ज्वालाजी विकास धीमान, बीडीओ देहरा कुलदीप शर्मा, तहसीलदार खुंडिया सुभाष कुमार सहित स्कूल के अध्यापक विद्यार्थी और अन्य लोग उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एचपीएनएलयू) शिमला ने 'भारतीय विश्वविद्यालयों में पुस्तकालय संसाधनों और सेवाओं के हालिया रुझान' विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर में हुआ और इसमें शैक्षणिक और पुस्तकालय क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों की भागीदारी देखी गई। सेमिनार में शूलिनी विश्वविद्यालय से पूजा ठाकुर और नीलम ठाकुर ने भाग लिया। शूलिनी विश्वविद्यालय में डॉ. बीआर अंबेडकर लॉ लाइब्रेरी की लाइब्रेरियन पूजा ठाकुर ने इलेक्ट्रॉनिक में पुस्तकालयों की वर्तमान स्थिति पर एक पैनल चर्चा में सक्रिय रूप से योगदान दिया। पैनल चर्चा में पूजा ठाकुर ने पुस्तकालयों के संदर्भ में इलेक्ट्रॉनिक युग द्वारा प्रस्तुत चुनौतियों और अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रौद्योगिकी के एकीकरण, पुस्तकालयाध्यक्षों की उभरती भूमिका और छात्रों और शोधकर्ताओं की बदलती जरूरतों को पूरा करने के लिए पुस्तकालयों के अनुकूलन पर चर्चा की। सेमिनार में अन्य प्रतिष्ठित वक्ताओं डॉ. रणबीर सिंह, प्रो. चांसलर आईआईएलएम यूनिवर्सिटी गुड़गांव, प्रो. वी. विजय कुमार, निदेशक एनएलआईयू भोपाल; प्रोफेसर निष्ठा जसवाल कुलपति एचपीएनएलयू शिमला, प्रो. पीएस जसवाल कुलपति एसआरएम विश्वविद्यालय, और डॉ. विक्रम के. शर्मा लाइब्रेरियन केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला ने भारतीय विश्वविद्यालयों में पुस्तकालय संसाधनों और रुझानों के विकसित परिदृश्य पर मूल्यवान अंतर्दृष्टि और दृष्टिकोण साझा किए।
चीफ पोस्ट मास्टर जनरल सर्किल शिमला ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश के परिमंडल कार्यालय तथा अधीनस्थ सभी प्रवर अधीक्षक/अधीक्षक डाकघरों के मंडलीय कार्यालयों में डाक अदालत का आयोजन 18 दिसंबर को दोपहर 3 बजे किया जाएगा। जनता की डाक संबंधी शिकायतें सुनी जाएंगी। यदि लोगों के पास ऐसी कोई शिकायत हो तो उसे सहायक पोस्टमास्टर जनरल (जन शिकायत), कार्यालय चीफ पोस्टमास्टर जनरल, हिप्र सर्किल, शिमला-171009 को अथवा संबंधित क्षेत्र के प्रवर अधीक्षक/अधीक्षक डाकघर को अवश्य भेजें।


















































