प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश को आपदा राहत के रूप में जारी किए 633 करोड़ रुपये को ऊंट के मुंह में जीरा करार दिया है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह कांग्रेस शासित राज्य हिमाचल के साथ आपदा राहत पर भेदभाव कर रही है, जो कभी सहन नहीं होगा। प्रतिभा ने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश व भूस्खलन से 12 हजार करोड़ से अधिक का नुकसान आंका गया है। उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार ने इससे पूर्व प्रदेश को जो भी राशि जारी की है, वह प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए हर साल सभी प्रदेशों को केंद्र से मिलने वाली केंद्रीय हिस्सेदारी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि भाजपा के नेता आपदा राहत को लेकर लोगों को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। भाजपा नेताओं का प्रदेश के हितों के प्रति नकारात्मक रवैया बहुत ही खेदजनक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने सीमित संसाधनों से प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रही हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्होंने संसद में केंद्र सरकार से एक प्रश्न में पूछा था कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हिमाचल प्रदेश को क्या कोई विशेष आर्थिक मदद प्रदान की गई तो जवाब में केंद्र सरकार ने ऐसी आपदाओं से निपटने की पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकारों पर डाली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने माना है कि उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से विशेष आर्थिक मदद की मांग की गई।
-महिला को घर बनाने के लिए दिए 15 हजार -बारिश से गिर गया था गरीब का कच्चा मकान लखविंद्र सिंह लक्की/ऊना। जिला ऊना के हरोली विधानसभा के गांव पोलिया बीत की ज्ञानो देवी का कच्चा घर बरसात के मौसम में गिर गया था। इस कारण ज्ञानो देवी को रहने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वह अपने पड़ीसी के घर में रह रही है। इस गरीब महिला के बारे में अदबेता फाउंडेशन को पता चला तो फाउंडेशन महिला की मदद करने के लिए आज उनके घर पहुंची। टूटे घर को देखकर फाउंडेशन के सदस्य भी हैरान रह गए और महिला को घर बनाने के 15000 रुपये की मदद दी। ज्ञानो देवी को सरकार की तरफ से भी 95 हजार रुपये की मदद दी गई है। फाउंडेशन की संयोजक मोनिका सिंह ने बताया कि फाउंडेशन हर जरूरतमंद की हर संभव मदद करती है और आगे भी करती रहेगी।
-सभा के अध्यक्ष बलदेव सिंह ठाकुर करेंगे अध्यक्षता बुशैहर कल्याण सभा शिमला कार्यकारिणी की बैठक 17 दिसंबर को सुबह 11 बजे आशियाना रेस्टोरेंट दि रिज में बुलाई गई है। बैठक में सभी कार्यकारिणी सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। बुशैहर कल्याण सभा के महासचिव सैन राम नेगी ने बताया है कि बैठक की अध्यक्षता सभा के अध्यक्ष बलदेव सिंह ठाकुर करेंगे। बैठक में सभा के वार्षिक सम्मेलन, बुशैहर सदन, वर्ष-2023 के विधानसभा चुनाव, नई कार्यकारिणी गठित करने, सदस्यता अभियान के अतिरिक्त सभी खर्चों का लेखा-जोखा एवं अन्य मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में सभी पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्यों का उपस्थित होना अनिवार्य है, ताकि सर्वसम्मति से निर्णय लिया जा सके।
-उमंग फाउंडेशन के ''हौसलों की उड़ान'' कार्यक्रम में किया सम्मानित राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज राज भवन में दिव्यांग युवाओं की प्रतिभा और क्षमता का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभावान छात्र-छात्राएं सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनसे हम सबका मनोबल भी बढ़ता है। राज्यपाल आज राज भवन में उमंग फाउंडेशन द्वारा आयोजित ''हौसलों की उड़ान'' कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। राज्यपाल ने विशेष क्षमता वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए उमंग फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का का सशक्तिकरण पूरे विश्व समुदाय के लिए उच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कुल 5 दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान किए। 2 दिव्यांग विद्यार्थियों को मोबाइल फोन प्रदान किए। राज्यपाल ने मुस्कान नेगी, अंजना ठाकुर और प्रतिभा ठाकुर का उदहारण देते हुए कहा कि ये छात्राएं अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत से दिव्यांगता को मात देकर उच्च शिक्षा प्राप्त की और आज असिस्टेंट प्रोफेसर बन गई। राज्यपाल ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में एमबीबीएस की छात्रा निकिता चौधरी को हिमाचल प्रदेश की पहली व्हीलचेयर यूजर डॉक्टर बनने पर बधाई देते हुए कहा कि इन्होंने ये मुकाम हासिल करने के लिए लंबा संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि एशियन पैरा गेम्स में भारत के दिव्यांग खिलाड़ियों ने 111 पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया है। प्रदेश की पहली व्हीलचेयर यूज़र एमबीबीएस छात्रा निकिता चौधरी, 3 दिव्यांग असिस्टेंट प्रोफेसरों मुस्कान, अंजना ठाकुर, एवं प्रतिभा ठाकुर, आरकेएमवी कॉलेज की पांच दिव्यांग छात्राओं समेत 40 उच्च शिक्षित दिव्यांगों एवं उनकी सहायता करने वाले 15 युवाओं को सम्मानित किया।
-नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री के. रेड्डी ने किया सम्मानित -सरैक को लोकनाट्य व हाब्बी को मुखौटा नृत्य को प्रोत्साहित करने के लिए दिया गया सम्मान राजगढ़ के पद्मश्री विद्यानंद सरैक एवं उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित गोपाल हाब्बी को कला दीक्षा सम्मान से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान संगीत नाटक अकादमी नई दिल्ली द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री के. रेड्डी द्वारा दिया गया। सरैक को यह सम्मान लोक नृत्य एवं लोकनाट्य को प्रोत्साहन देने के लिए, जबकि युवा कलाकार गोपाल हाब्बी को मुखौटा निर्माण तथा मुखौटा नृत्य को प्रोत्साहन देने के लिए दिया गया है। वहीं, पद्मश्री विद्यानंद सरैक एवं गोपाल हाब्बी ने संगीत नाटक अकादमी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगीत नाटक अकादमी ने प्रदेश की लोक कलाओं को यह सम्मान प्रदान किया है।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने विद्युत मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में ऊर्जा दक्षता ब्यूरो द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार हासिल करने पर सातवीं कक्षा की छात्रा आरुषि की सराहना की। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार का एक अग्रणी विद्युत उपक्रम है, जो कि उत्तराखंड राज्य की नोडल एजेंसी भी है। प्रतियोगिता के आयोजन से पहले देश भर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित कराई गईं, जिनमें देश के लगभग 70 लाख छात्रों द्वारा भाग लिया। देश के सभी अग्रणी विद्युत उपक्रम जैसे टीएचडीसी, एनटीपीसी, एनएचपीसी, एसजेवीएन, पावर ग्रिड आदि को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए पूरे देश में अलग-अलग राज्य आवंटित किए गए थे। प्रत्येक राज्य के दोनों ग्रुप ए और बी के पहले तीन विजेताओं ने 11 दिसंबर 2023 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिनांक 14 दिसंबर को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार दिवस पर आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान प्रतिभाशाली छात्रा आरुषि को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया तथा अपने संबोधन के दौरान विजेताओं को बधाई दी और ऊर्जा संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री (विद्युत, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा) आरके सिंह और राज्य मंत्री (विद्युत, भारी उद्योग मंत्रालय), कृष्णपाल गुर्जर की ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। इससे ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में प्रतिभाओं को पहचानने और बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता प्रदर्शित हुई। सिंह ने उपस्थित सभी को संबोधित करते हुए ऊर्जा संरक्षण के महत्व पर जोर दिया और ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने का आग्रह किया। इस अवसर पर विद्युत मंत्रालय सचिव के पंकज अग्रवाल तथा विद्युत मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ व्यक्ति भी उपस्थित थे। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने इस प्रतिष्ठित उपलब्धि के लिए पूरे उत्तराखंड राज्य और आचार्यकुलम स्कूल हरिद्वार को हार्दिक बधाई दी और कहा कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने राज्य में नोडल एजेंसी होने के नाते राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता उत्तराखंड के आयोजन और राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विश्नोई ने इस बात पर प्रकाश डाला कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में इतनी कम उम्र में इन युवा प्रतिभागियों की सफलता उनके द्वारा किए गए समर्पित प्रयासों को रेखांकित करती है। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता भारत को किफाइती 24&7 बिजली प्रदान करने के लिए ऊर्जा संरक्षण के संदेश को प्रसारित करने के अपने प्रयास में ऊर्जा मंत्रालय के ऊर्जा दक्षता ब्यूरो द्वारा एक वर्ष तक चलने वाला अभियान है। उन्होंने आगे कहा कि, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड, हाइड्रो सेक्टर में नए मानक स्थापित करने के अतिरिक्त, खेल, संस्कृति, कृषि, स्वास्थ्य, स्वच्छता, कला, संस्कृति सहित विभिन्न विकासात्मक क्षेत्रों में भी अग्रणी है, विशेष रूप से उत्तराखंड में सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए यह अपनी कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) नीतियों को आधारशिला मानता है। सामाजिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने हाल ही में भारतीय कयाकिंग और कैनोइंग एसोसिएशन, उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन और उत्तराखंड सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा कि इस रणनीतिक साझेदारी का उद्देश्य उत्तराखंड के कोटेश्वर, टिहरी में एक अत्याधुनिक खेल प्रशिक्षण अकादमी स्थापित करना है, जो समग्र विकास और सामुदायिक उत्थान के लिए टीएचडीसी के समर्पण को और मजबूत करेगा। श्री विश्नोई ने यह भी कहा कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड एक प्रमुख विद्युत क्षेत्र संगठन और उत्तराखंड के विकास में अग्रणी शक्ति है। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड उत्कृष्टता के लिए प्रतिबद्ध, प्रगति और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विकासात्मक क्षेत्रों में सक्रिय रूप से संलग्न है। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के निदेशक (कार्मिक) शैलेंद्र सिंह ने भी इस राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्युत मंत्रालय, उत्तराखंड राज्य और टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड को बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड अपनी विकास गतिविधियों और जल विद्युत के दोहन के लिए उत्तराखंड सरकार की विभिन्न पहलों में सदैव अग्रणी है। ऊर्जा संरक्षण पर प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में विजेता छात्रा को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई और अचार्यकुलम स्कूल हरिद्वार का छात्र मास्टर सताक्षी, जिसे राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में ग्रुप ए में सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ, उसे रुपये पंद्रह हजार की राशि प्रदान की गई।
कृषि मंत्री चन्द्र कुमार ने वीरवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पशुपालन डेयरी और मत्स्य पालन मंत्री परशोत्तम रूपाला से भेंट की। कृषि मंत्री ने केंद्रीय मंत्री से राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के माध्यम से प्रदेश में दुग्ध उत्पाद तैयार करने के लिए आधुनिक दुग्ध संयंत्र स्थापित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड की परियोजना रिपोर्ट के अनुसार ढगवार में नए संयंत्र को कार्यशील बनाने के लिए क्षेत्र में 1415 ग्राम दुग्ध सहकारी समितियों के गठन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक प्रसंघ की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए दुग्ध गतिविधियों को बढ़ाने तथा पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयासरत है। केंद्रीय मंत्री ने कृषि मंत्री को हरसम्भव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया और इस सम्बंध में उचित कार्यवाही के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। कृषि मंत्री ने बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक प्रसंघ द्वारा 11 ज़िलों में डेयरी विकास गतिविधियां चलाई जा रही हैं। प्रसंघ द्वारा 1107 समितियों का गठन किया गया है जिसके माध्यम से 47259 दुग्ध उत्पादकों को लाभान्वित किया जा रहा है। वर्तमान में मिल्कफेड द्वारा 91500 लीटर प्रतिदिन क्षमता के 22 मिल्क चीलिंग सेंटर और 1.30 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता के 11 दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र, शिमला के दत्तनगर में 5 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता का एक पाउडर संयंत्र और हमीरपुर के भौर में 16 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता का एक कैटल फूड प्लांट चलाया जा रहा है।
जसवां:परागपुर विधानसभा के तहत ग्राम पंचायत कलोहा के गाँव काकड़बढ में वीरवार देर शाम एक घर के समीप घायल मोर पड़ा हुआ था, जिससे न तो चला जा रहा था न ही वह उड़ पा रहा था । वहीं इस घायल मोर पर स्थानीय निवासी पंकज राणा की नजर पड़ी और उन्होंने देखा कि इसकी स्थिति ठीक नहीं है , जिसपर इन्होंने अपने गांव के कुछ युवाओ को सूचित किया वहीं घायल मोर का कुछ उपचार किया जिससे वह चलने लग पड़ा परन्तु वह अभी भी उड़ नहीं पा रहा है । पंकज राणा ने इसकी सूचना डीएफओ देहरा सन्नी वर्मा को भी दे दी है । वहीं उक्त युवाओ ने दरियादिली का परिचय दिया है ।
कांगड़ा जिला के ग्रामीण क्षेत्रों वर्षा जल को संग्रहित कर फायर सेफ्टी तथा सिंचाई के लिए उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा इस के लिए पायलट आधार पर कांगड़ा जिला के भवारना ब्लाक के दैहण तथा रमेहड़ पंचायतों के लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है। इसमें ग्रामीण विकास विभाग बतौर नोडल विभाग कार्य करेगा जबकि जल शक्ति, वन विभाग तथा कृषि विभाग आपसी समन्वय के साथ इस दिशा में कार्य करेंगे। इस बाबत उपायुक्त डा निपुण जिंदल की अध्यक्षता में एनआईसी के सभागार में एक आवश्यक बैठक भी आयोजित की गई। उपायुक्त डा निपुण जिंदल ने बताया कि कांगड़ा जिला में जल संरक्षण और उसका सही उपयोग करने पर विशेष फोक्स किया जा रहा है इसी आधार पर कांगड़ा जिला के भवारना ब्लाक की दैहण तथा रमेहड़ पंचायत में वर्षा जल संग्रहण के फायर सेफ्टी तथा सिंचाई के उपयोग के लिए पायलट आधार पर कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर सरकारी तथा निजी भवनों में वर्षा जल संग्रहण ढांचे विकसित किए गए हैं इसका पूरा डाटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि इन जल संग्रहण ढांचों का पानी कूहलों या पाइप्स के माध्यम से खेतों की सिंचाई के लिए पहुंचाया जा सके इसके साथ वर्षा जल संग्रहण ढांचों से पानी कूहलों तथा पाइप्स के माध्यम से भंडारण टैंकों तक भी पहुंचाने की योजना तैयार की जा रही है ताकि इस पानी का उपयोग फायर सेफ्टी के लिए किया जा सके। उन्होंने कहा कि जल भंडारण टैंक निर्मित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उपायुक्त डा निपुण जिंदल ने कहा कि कृषि विभाग को संबंधित पंचायतों में कूहलों की स्थिति के बारे में डाटा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं इसके साथ ही जहां संभव हो खड्डों पर भी चैक डैम निर्मित कर जल संग्रहण की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही वन विभाग को अमृत सरोवरों के जल के उपयोग के बारे में भी उचित प्लान करने के लिए कहा गया है ताकि जंगलों में आग पर काबू पाने के लिए जल का सही उपयोग समय पर हो सके। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग को भी जल संग्रहण ढांचों के पानी को सिंचाई के लिए उपयोग में लाने के लिए आवश्यक प्लान तैयार करने दिशा निर्देश दिए गए हैं।
जिला कांगड़ा में व्यस्कों को टीबी से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनवरी महीने से टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले में वयस्कों को जनवरी, फरवरी और मार्च तीन महीनों में बीसीजी का टीका लगाया जाएगा। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल ने बीसीजी टीकाकरण तथा रूटीन इम्यूनाइजेशन को लेकर उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि नवजातों के बाद बीसीजी (बैसिलस कैलमेट-गुएरिन) का टीका अब युवाओं को भी टीबी से सुरक्षित रखेगा। आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर करेंगी सर्वे एडीसी ने बताया कि बीसीजी का टीकाकरण अभियान चलाने से पहले जिले में सर्वे किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र वयस्कों की जानकारी प्राप्त करेंगी। जिसके संपन्न होने पर टीकाकरण कार्य शुरू करवाया जाएगा। इन्हें लगेगा टीका बीसीजी का टीका 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोग, जिन लोगों को पिछले पांच वर्षों में एक बार भी टीबी हुई हो, 60 वर्ष और उससे अधिक के बुजुर्ग, धूम्रपान करने वाले लोग, पिछले तीन साल के टीबी रोगियों के संपर्क में आने वाले लोग, मधुमेह पीड़ित के साथ-साथ 18 किलो प्रति वर्ग मीटर से कम बॉडी मास इंडेक्स वाले व्यक्ति भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि टीकाकरण से पूर्व व्यक्ति से लिखित सहमति ली जाएगी। उन्होंने बताया कि इन वर्गों में भी टीकाकरण स्वेच्छा के आधार पर ही होगा। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. सुशील शर्मा, सलाहकार विश्व स्वास्थ्य संगठन डॉ. रविन्द्र और डॉ. उषा किरण, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश गुलेरी, कार्यक्रम अधिकारी यूएनडीपी अविनाश तथा जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश सूद सहित अनेक विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों के चलते प्रदेश के कांग्रेस सरकार ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में दूसरा थाना हरोली के बाद टाहलीवाल में खोलने की अधिसूचना जारी की थी। अब गृह विभाग ने इसे आगे बढ़ते हुए इस थाने के लिए 46 पोस्टे भी स्वीकृत कर दी हैं ,जिसमें एक इंस्पेक्टर, दो सब इंस्पेक्टर, पांच एएसआई, छह हेड कांस्टेबल, 30 कांस्टेबल व दो सीसीटीआईएनएस ऑपरेटर शामिल है। हरोली थाना में पहले से 46 पोस्टे स्वीकृत है। हरोली थाना के अंतर्गत दो औद्योगिक क्षेत्र बड़े हैं एक पंडोगा औद्योगिक क्षेत्र जो विकसित हो रहा है और सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल ,बाथू व बाथाडी है इसी क्षेत्र में आने वाले समय में बल्क ड्रग पार्क आएगा, सबसे ज्यादा बॉर्डर पंजाब के साथ हरोली हल्के का लगता है ,ऐसे में आसामाजिक तत्वों, नशा तस्करों को साधने बाद धर पकड़ करने में भी इस थाने की अहम भूमिका रहेगी, अवैध खनन पर भी कड़ी कार्रवाई होगी। टाहलीवाल थाना के बनने से औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को रोकने में भी मदद मिलेगी । वहीं सुंयोजित अपराध भी नहीं हो पाएंगे ,पुलिस की निरंतर मौजूदगी औद्योगिक क्षेत्र को क्राइम फ्री करने का काम करेगी ।इस टाहलीवाल थाना को स्थापित करने के लिए दो करोड रुपए की राशि भी सरकार द्वारा जारी की गई है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बॉर्डर एरिया पर पुलिस की पकड़ मजबूत हो इसके लिए टाहलीवाल में पुलिस थाना खोला जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशा ,खनन व असमाजिक तत्व निशाने पर रहेंगे ।उन्होंने कहा कि क्राइम फ्री वातावरण मिले, अपराध न हो, इसके लिए टाहलीवाल थाना अहम भूमिका अदा करेगा। उन्होंने कहा कि बॉर्डर एरिया है ,इसलिए यहां बेहतरीन व्यवस्था पुलिस की रहे इसके लिए 46 पोस्ट सरकार ने स्वीकृत की है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पुलिस की मौजूदगी से अपराधों को रोकने में सफलता मिलेगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नशा मुक्त हिमाचल करना है, यह हमारा लक्ष्य है, इसलिए नशे में कोई भी शामिल न हो, नशे की लत किसी को ना लगे, इसके लिए तो हम जागरूकता कर रहे हैं ,लेकिन जो नशे के व्यापारी हैं माफिया है उसे पर पुलिस सख्त कार्रवाई करें इसके लिए थाना टाहलीवाल अहम योगदान देगा। उन्होंने कहा कि जनता भी पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि हरोली के विकास को आगे बढ़ाने के लिए हम वचनबद्ध हैं।
हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने आज सोलन ज़िला के 53-सोलन (अ.जा.) निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 के तहत अद्यतन की जा रही मतदाता सूचियों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। यह जानकारी आज यहां ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी। मनमोहन शर्मा ने कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने 53- सोलन (अ.जा.) निर्वाचन क्षेत्र के तहत कण्डाघाट विकास खण्ड में मतदान केन्द्र संख्या 29-पल्हेच में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों का निरीक्षण किया। उन्होंने इस अवसर पर पल्हेच मतदाता केन्द्र के अंतर्गत हरीश ठाकुर सुपुत्र राकेश कुमार के घर जाकर उनसे मतदाता सूची में पंजीकरण एवं इस सम्बन्ध में अन्य विषयों पर बातचीत की। ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पल्हेच मतदाता केन्द्र के तहत हरीश ठाकुर का नाम पहली बार मतदाता सूची में दर्ज हुआ है और वह दृष्टिबाधित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने हरीश ठाकुर के घर पहुंचकर मतदाता सूची में उनके पंजीकरण की पात्रता की पुष्टि की। मनीष गर्ग ने इस अवसर पर हरीश ठाकुर और उनके परिजनों के साथ विस्तृत चर्चा की और उन्हें मतदाता के महत्व से अवगत करवाया। उन्होंने हरीश ठाकुर को लोकसभा निर्वाचन-2024 में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि आम नागरिक मतदान के माध्यम से लोकतंत्र व्यवस्था में अपनी पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि सभी मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया में अवश्य भाग लेना चाहिए। उन्होंने हरीश ठाकुर ने आग्रह किया कि वह अपने मतदान केन्द्र के सभी मतदाताओं को आगामी लोकसभा निर्वाचन में मतदान करने के लिए प्रेरित करें। उपायुक्त ने अवगत करवाया कि प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 29-पल्हेच के राजकीय माध्यमिक पाठशाला पल्हेच स्थित मतदान केन्द्र का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाएं जांची।
राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के बागवानी उत्पादों को देश में लोकप्रिय बनाने के लिए प्रयासरत है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम सीमित (एचपीएमसी) की 13 परियोजनाएं मार्च, 2024 तक शुरू की जाएंगी जिनमें कोल्ड स्टोर तथा ग्रेडिंग व पैकिंग लाइन शामिल हैं। यह जानकारी बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां एचपीएमसी की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि एचपीएमसी के विभिन्न उत्पाद विशेषकर फलों के जूस लोकप्रिय है तथा इनकी मांग व उपलब्धता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को एचपीएमसी के बेहतर विपणन, रणनीति, ब्रांडिंग, डिज़ाइनिंग तथा प्रसंस्करण के निर्देश दिए। बागवानी मंत्री ने कहा कि एचपीएमसी अब सेब की शराब के क्षेत्र में भी कदम रखने जा रहा है। जगत सिंह नेगी ने कहा कि बागवानों को सुुचारू रूप से मशीनरी, कीटनाशक तथा खाद उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने प्रदेश व प्रदेश के बाहर एचपीएमसी की सम्पत्ति का उचित उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने नए कोल्ड स्टोर तथा ग्रेडिंग व पैकिंग लाइन के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। बैठक के दौरान मण्डी मध्यस्थता योजना पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर एचपीएमसी के प्रबंध निदेशक सुदेश कुमार मोखटा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह 17 दिसम्बर, 2023 को सोलन ज़िला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर आ रहे हैं। विक्रमादित्य सिंह 17 दिसम्बर, 2023 को प्रातः 11.00 बजे सोलन ज़िला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के रामशहर में तहसील भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। लोक निर्माण मंत्री तदोपरांत प्रातः 11.30 बजे राजकीय महाविद्यलाय रामशहर के निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे।विक्रमादित्य सिंह इसी दिन दोपहर 02.00 बजे नालागढ़ स्थित इंडोर स्टेडियम किरपालपुर तथा दोपहर 02.20 बजे नालागढ़-भरतगढ़ मार्ग (पंजाब राज्य) पर क्षतिग्रस्त दभोटा पुल का निरीक्षण करेंगे। लोक निर्माण मंत्री दोपहर 02.45 बजे नालागढ़ उपमण्डल के पंजैहरा में उप तहसील भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण भी करेंगे। लोक निर्माण मंत्री तदोपरांत सांय 03.00 बजे ग्राम पंचायत बगलेहड की तमडोह-पेहरूड़, वेद का जोहड-छनोबरी तथा नवांनगर-अम्बवाला मार्ग के मैटलिंग, टारिंग तथा क्रॉस ड्रेनेज कार्य का लोकार्पण करेंगे। विक्रमादित्य सिंह तत्पश्चात सांय 03.30 बजे नाबार्ड के तहत गुज्जरहट्टी-तलाउ-पुरला-खोबला-कनरूघाट तक पक्के सम्पर्क मार्ग की आधारशिला रखेंगे। युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री इसी दिन सांय 04.15 बजे नालागढ़ स्थित पुराना छात्र विद्यालय में 8वीं नालागढ़ वार्षिक खेल प्रतियोगिता के सम्मान समारोह में उपस्थित रहेंगे।
मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि किसानों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने और उपलब्ध कृषि योग्य भूमि से उत्पादन में वृद्धि के लिए आधुनिक तकनीक का प्रयोग आवश्यक है। मुख्य संसदीय सचिव वीरवार को सोलन के अर्की विधानसभा क्षेत्र के नालागढ़ उपमण्डल की ग्राम पंचायत मनलोग कलां में आयोजित किसान मेले को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश में प्राकृतिक खेती के माध्यम से किसानों की आय में आशातीत वृद्धि करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्यान्न उपलब्ध करवाने के लिए कृत संकल्प हैं। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए जहां प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है वहीं इस उपज को और बेहतर मूल्य दिलवाने के लिए योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग और अनुसंधान को खेत तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। संजय अवस्थी ने कहा कि किसान मेले को ग्राम पंचायत मनलोग कलां में आयोजित करने का उद्देश्य इस समूचे क्षेत्र में कृषि प्रधान योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित बनाना है। उन्होंने आशा जताई कि किसान मेले में सुझाई गई कृषि करने की नई तकनीकों को किसान अपनाएंगे ताकि उपज में बढ़ौतरी के साथ-साथ उनकी आर्थिकी में सुधार हो सके। उन्होंने कहा कि चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर और डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यलाय नौणी में कृषि क्षेत्र में हो रहे नए अनुसंधान और उत्पादन प्रबंधन की जानकारी किसानों तक पहंुचाई जानी आवश्यक है ताकि किसान इससे समय पर लाभान्वित हो सकें।
जयसिंहपुर के विधायक यादविंदर गोमा को कांगड़ा ज़िला से मंत्री बनने की खुशी में अंद्रेटा में कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटे। इस उपलक्ष्य पर बुथ अध्यक्ष राकेश पटियाल, सचिव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जयसिंहपुर दिनेश शरीन, राज वर्मा प्रदेश सचिव हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया विभाग, पुरन कालिया, सचिव मीनू, गुलशन कुमार, सचिव अनुज, अनिल, जतिन, वीरेंद्र व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त किन्नौर तोरूल रवीश ने आज यहां बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 15 दिसम्बर, 2023 से जिला की समस्त ग्राम पंचायतों में इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन ईवीएम से संबंधित प्रशिक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाया जाएगा जिसके तहत आम जनता को इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन के माध्यम से अपने मत का प्रयोग कर मशीन की विश्वसनीयता के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उपायुक्त कार्यालय किन्नौर, उपमण्डलाधिकारी कार्यालय निचार तथा अतिरिक्ति जिला दण्डाधिकारी कार्यालय पूह में भी 15 दिसम्बर, 2023 से उक्त प्रशिक्षण एवं जागरूकता अभियान कैम्प लगाया जाएगा। उन्होंने जिला की समस्त जनता से आवाह्न किया कि वह लोकसभा निर्वाचन-2024 में वास्तविक मतदान से पहले इस जागरूकता अभियान के माध्यम से इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन में अपने मत का प्रयोग कर मशीन की विश्वसनीयता सुनिश्चित करें ताकि इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ई0वी0एम) की कार्य प्रणाली पर किसी भी प्रकार का संदेह ने रहे।
जिला ऊना के जनकौर गांव में 62वर्षीय तरसेम का शव संदिग्ध हालत में एक खेत में पड़ा मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शब को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक उन्हें सड़क के पास एक डेडबॉडी मिलने की जानकारी थी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब जांच की तो पता लगा की यह डेडबडी इसी गांव के 62वर्षीय तरसेम लाल की है जो पिछले कल शाम से गुम था मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी है। फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच रही है और पोस्टमार्टम के बाद रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता लग सकेगा , वहीँ पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी चेक कर रही है
रामपुर के मुनीश में आज सुबह हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सड़क पर ही पलट गई। इसमें सवार सभी सवारियां सुरक्षित है। सूचना के मुताबिक आज जैसे ही चालक ने बस को स्टार्ट करना चाहा तो बस स्टार्ट नहीं हुई, जिस पर बस की सवारियों की मदद से धक्का लगाकर उसे स्टार्ट करने की कोशिश की। जैसे ही बस ने चलना शुरू किया तो बस चालक को ब्रेक न लगने का अंदेशा हुआ तो उसने बस को पहाड़ी की ओर मोड़ दिया, जिस का कारण बस सड़क पर पलट गई। बताया जा रहा है कि इस बस में 16 बच्चे और 8 बजुर्ग थे। जिन्हें हल्की चोटें आई और उन्हें उपचार के लिए है तकलेच होस्पिटल भेज दिया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सिद्धांत शर्मा ने बताया कि इस बस दुर्घटना में चालक अव परिचालक समेत 24 लोग बस में मौजूद थे। इनमें से कुछ लोगों को हल्की चोटिया आई है जिनका उपचार तकलेच अस्पताल में चल रहा। वही इस हादसे के ईओ भूपेन्द्र डोगरा ने बताया कि इस हादसे की जांच की जा रही है यह दुर्घटना कैसे हुई है।
कुल्लू के सैंज घाटी के पटैला गांव में आग लगने का मामला सामने आया है। यहां सुबह सवेरे मकान में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण एकत्र हुए और आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन आग ने तब तक चार मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद लगातार आग बढ़ती गई। आग कैसे लगी अभी तक इसका पता नहीं चल पाया है। ग्रामीण आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं लेकिन आग की लपटें लगातार बढ़ रही है। इससे पूरा गांव को खतरा बना है। आग लगने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
बुधवार को देश की संसद की सुरक्षा चूक मामले को लेकर हरियाणा की महिला नीलम को गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में महिला के समर्थन में किसान उतर आए हैं. जींद में ही गुरुवार को किसान सगंठन प्रदर्शन करेंगे. किसानों का कहना है कि अगर लड़की को जल्दी से जल्दी रिहा नहीं किया गया तो जींद की ऐतिहासिक धरती से बड़ा फैसला लेंगे. जींद के उचाना में 11 बजे के आसपास किसान इक्कठा होंगे. किसान नेता आजाद पालव का कहना है कि नीलम बेटी ने जो किया, वह सही किया है. क्योंकि लगातार देश के अंदर बेरोजगारी बढ़ रही है. जानकारी के अनुसार, हरियाणा के जींद में खाप पंचायत ने नीलम का समर्थन किया है. खापों का कहना है कि नीलम ने जो किया, वह सही किया. खापों का मांग है कि नीलम को सरकार जल्द रिहा करे. अन्यथा आज जींद में पंचायत बुलाकर मंथन किया जाएगा. पूनम पढ़ी लिखी और सभ्य लड़की है. वह तीन काले कानूनों के खिलाफ किसानों के धरने में आती रही हैं. साथ जंतर-मंतर पर खिलाडियों के धरने में भी नीलम शामिल हुई थी. अब बेरोजगारी के मुद्दे पर लड़ लड़ाई लड़ रही है.
विद्युत उपमंडल-2 धर्मशाला के सहायक अभियंता रमेश चंद ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 दिसंबर को विद्युत लाइनों की सामान्य रख-रखाव के चलते 11 केवी मंदल फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों मंदल, मसरेड़, भड़वाल, त्रैंबलू, हरनेड़, घियाना खुर्द, घुरकड़ी, ढगवार, खटेहड़, मनेड़, अप्पर बगली, कोहाला, मटौर तथा साथ लगते क्षेत्रों में प्रात: 9 बजे से सायं 5 बजे अथवा कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि मौसम खराब होने की स्थिति में यह कार्य अगले दिन किया जाएगा। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
विद्युत उपमंडल चड़ी के सहायक अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि 14 दिसंबर को 33/11 केवी उपकेंद्र गज के आवश्यक रख-रखाव और मरम्मत कार्य के चलते विद्युत उप मंडल चड़ी के अंतर्गत आने वाले गांव भित्तलू, घेरा, मनियाणा, चमियारा, करेरी, नोहली, खड़ीबही, रावा, सेर, दियाड़ा तथा साथ लगी पंचायतों में विद्युत आपूर्ति प्रात: 9 बजे से कार्य समाप्ति तक बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि विद्युत उपमंडल रैत के अन्तर्गत 33/11 के.वी राजोल उपकेंद्र से 11 केवी सप्लाई की आपूर्ति न होने की स्थिति में चड़ी, डढम्ब, टुण्डु, ठारू, भटेच्छ, ललेटा, थरोट, मैटी, घरोह, लांझणि, ओडर, कलियाड़ा, बंडी इत्यादि स्थानों में भी प्रात: 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
भाजपा प्रदेश सचिव एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र सह प्रभारी सुमित शर्मा ने कहा कि गृह मंत्रालय ने आज हिमाचल प्रदेश के लिए राष्ट्रीय आपदा कोष से 633.73 करोड़ की अतिरिक्त वित्तीय सहायता को मंजूरी दी। इस वर्ष मानसून के दौरान बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन के कारण राज्य गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। सुमीत ने बताया कि इसलिए आपदा में प्रदेश के 10 प्रशासनिक जिला पूर्ण रूप से प्रभावित हुए थे। उन्होंने बताया कि इसलिए आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व अनुराग ठाकुर ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा संग प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण व दौरा किया था फौरी राहत देते हुए 560.80 करोड़ कि राहत राशि को मुहैया करवाया था। यहीं नहीं राष्ट्रीय उच्च मार्ग के सुधार व सुदृढ़ीकरण के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने स्वयं जिम्मेदारी ली थी। गांव में आवास व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए ग्रामीण मंत्रालय ने 11000 नए पक्के घरों के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी थी। संघीय ढांचे कि मजबूती के लिए केंद्र सरकार ने अपना राजधर्म निभाकर मोदी जी के दूसरे घर हिमाचल के प्रभावित लोगों कि मदद कर अनुकरणीय कार्य किया है। उन्होंने कहा जहां आपदा प्रभावितों कि मदद के लिए रोज प्रदेश कांग्रेस नेता बयानवीर बन रहे थे और नित केंद्र सरकार को मदद के नाम पर कोसने कि बजाय धर्मशाला में गैर उपलब्धि वाले एक वर्ष के कार्यक्रमों पर फिजूल खर्ची छोड़ इस धन का उपयोग आपदा पीड़ितों की मदद करते तो कर्म के आधार पर सुख की सरकार को सार्थक करने मे सफल होते। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपनी 10 गारंटियों को पूरा करने में फेल हुई है और अब आगामी 4 वर्षों में पूरा करने की बात कर प्रदेश की जनता को ठगने का कार्य मे जुट गयी है।
हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के जिला श्रम एवं रोजगार कार्यालय किन्नौर स्थित रिकांग पिओ द्वारा जिला के पवारी स्थित शोंग-टोंग करछम हाइड्रो प्रोजेक्ट में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान 160 कामगारों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गई। जिला श्रम एवम कल्याण अधिकारी सपन जसरोटिया ने इस अवसर पर उपस्थित कामगारों को विभाग के माध्यम से कामगारों के हित में चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार श्रमिकों एवं कामगारों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है तथा उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के कल्याण तथा उनके लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याण्कारी योजनाओं से अवगत करवाने के दृष्टिगत ही इस स्वास्थ्य जांच शिविर को आयोजित किया गया तथा समय-समय पर इस प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर विभाग द्वारा जिला के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।
-धर्मशाला में इंटर कॉलेज प्रतियोगिता का डीसी ने किया शुभारंभ धर्मशाला के साईं खेल परिसर में तीन दिवसीय इंटर कॉलेज प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने करते हुए कहा कि खेलें सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत जरूरी हैं तथा खेलों के माध्यम से ही युवाओं को नशे से दूर किया जा सकता है। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि खेलें मानसिक तथा शारीरिक विकास के लिए भी अत्यंत जरूरी हैं तथा प्रत्येक विद्यार्थी को खेलों में बढ़ चढ़ कर भाग लेना चाहिए। उपायुक्त ने खेल गतिविधियों के लिए धर्मशाला कॉलेज को तीन लाख की राशि प्रदान करने की स्वीकृति दी। इससे पहले प्रिंसिपल संजीवन मनकोटिया ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए इंटर कॉलेज प्रतियोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। प्रतियोगिता के पहले दिन राजकीय कॉलेज मंडी के राहुल कुमार ने 5000 मीटर्स में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि डीएवी कालेज के विक्रम तथा मंडी कॉलेज के रोहित तीसरे स्थान पर रहे इसी तरह से महिला वर्ग में अम्ब कॉलेज की ज्योतिबाला पहले स्थान पर रही अव्वल रही तथा हमीरपुर कालेज दूसरे तथा जोगिंद्रनगर कालेज तीसरे स्थान पर रहा। हाई जंप फाइनल में पुरुषों में आर्यन सीमा कॉलेज पहले, रोहित द्वितीय, तथा धर्मशाला कॉलेज के तुषार तृतीय रहे वंही महिला वर्ग में रिंकागपिओ की तृषा, नूपुर कॉलेज की शिवानी, धर्मशाला कॉलेज की मीना ठाकुर प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहीं इसी तरह से महिला वर्ग 800 मीटर में धर्मशाला कॉलेज की खुशी, हमीरपुर की ऋचा शर्मा और ऊना कॉलेज की निधि ने क्रमश: पहले दूसरे तथा तृतीय स्थान पर रहे।
-मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पालमपुर में दिखाई हरी झंडी मुख्य निर्वाचन अधिकारी हिमाचल प्रदेश मनीष गर्ग ने आज संयुक्त कार्यालय परिसर पालमपुर में ईवीएम ट्रेनिंग वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार की गई मोबाइल युनिट प्रत्येक पोलिंग स्टेशन में जाकर लोगों को ईवीएम के बारे में जानकारी प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में दो महीने तक चलने वाले इस अभियान की शुरुआत आज यहां पालमपुर से की गई है। एक्सपर्ट देंगे ईवीएम की जानकारी उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए दो मोबाइल वैन तैयार की गई हैं। उन्होंने बताया कि इन मोबाइल वैन में ईवीएम मशीन के साथ उसके एक्सपर्ट भी होंगे। उन्होंने बताया कि यह वैन अगले दो महीनों में प्रत्येक पोलिंग स्टेशन को कवर करेंगी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक पोलिंग स्टेशन का शिड्यूल बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत प्रत्येक पोलिंग स्टेशन में जाकर किसी सार्वजनिक स्थान में लोगों को एकत्रित करके ईवीएम के बारे में बताया जाएगा। मुख्यालयों में होंगे ईवीएम डेमन्स्ट्रेशन सेंटर स्थापित उन्होंने बताया कि इसके अलावा प्रत्येक जिला मुख्यालय और उपमंडल मुख्यालय में एक ईवीएम डेमन्स्ट्रेशन सेंटर भी स्थापित किया जाएगा, जहां लोग किसी भी समय ईवीएम संबंधित जानकारी हासिल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ईवीएम मशीन कार्य कैसे करती है, इससे वोट कैसे देते हैं, वीवीपैट कैसे देखते हैं, जैसी अनेक जानकारियां आम जनता से साझा की जांएगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान लोगों की जानकारी के लिए मॉक पोलिंग भी करवाई जा सकती है। 5 जनवरी को होगा मतदाता सूची का प्रकाशन मुख्य निर्वाचन अधिकारी हिमाचल प्रदेश मनीष गर्ग ने बताया कि प्रदेश में 1.45 प्रतिशत नए मतदाताओं के फार्म प्राप्त हुए हैं जबकि मतदाता सूची में बदलाव और नाम हटाने के भी अनेकों प्रपत्र आयोग के पास आए हैं। उन्होंने बताया कि इसकी प्रक्रिया 26 दिसंबर, 2023 तक पूर्ण कर ली जाएगी तथा 5 जनवरी, 2024 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन एक जनवरी 2024 की कट ऑफ डेट के अनुसार होगा।
हिमाचल को केंद्र सरकार से मिलने वाली आपदा राहत राशि का इंतजार खत्म हो गया है। गृह मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश के लिए आपदा राहत के रूप में 633.73 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। बता दें कि बरसात में आपदा से हिमाचल को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा था। हिमाचल प्रदेश में आपदा को लेकर पक्ष-विपक्ष में कई आरोपों और बयानबाजी के बाद आखिरकार केंद्र ने हिमाचल को आपदा राहत राशि दे ही दी। इस बारे में गृह मंत्रालय ने ट्वीट कर जानकारी दी है। गृह मंत्रालय के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष से 633.73 करोड़ की अतिरिक्त वित्तीय सहायता को मंजूरी दी है। इस साल में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दौरान बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन के कारण राज्य गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। प्रभावितों को त्वरित राहत प्रदान करने के पीएम नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण का अनुसरण करते हुए, राज्य सरकार से ज्ञापन की प्रतीक्षा किए बिना नुकसान के आकलन के लिए एक अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम की प्रतिनियुक्ति की गई।
-16 से 30 दिसंबर तक हिमाचल सरकार करवा रही हिमोत्सव -633.73 करोड़ आपदा राशि जारी करने पर केंद्र सरकार का किया धन्यवाद दिल्ली में जल्द ही हिमाचल प्रदेश की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। 16 दिसंबर से 30 दिसंबर तक राजधानी दिल्ली में हिमाचल सरकार हिमोत्सव का आयोजन करने जा रही है। जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि इस हिमोत्सव में हिमाचल प्रदेश की पारंपरिक कला, संस्कृति, परिधान और स्वादिष्ट व्यंजनों का जायका उपलब्ध होगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्सव में हिमाचल के परिधानों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए हिमाचली फैशन शो भी करवाया जाएगा। हिमोत्स्व में होगा हिमाचली फैशन शो हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के कोने कोने में बसे हैंडलूम कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को राष्ट्रीय स्तर पर काम करने का मौका मिलेगा। हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि इस हिमोत्स्व में हिमाचल के पारंपरिक परिधान, हैंडलूम उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा यहां हिमाचल के विभिन्न जिलों के व्यंजन भी लोगों के लिए उपलब्ध होंगे। साथ ही इसमें विशेष तौर पर हिमाचल के परिधानों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए हिमाचली फैशन शो (Himachali Fashion Show) भी कराया जाएगा। केंद्र से और मदद की उम्मीद केंद्र की ओर से आपदा के लिए 633.73 करोड़ की राहत राशि जारी की गई। इसको लेकर हिमाचल सरकार में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश लंबे समय से केंद्र से मदद का इंतजार कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार का इस मदद के लिए धन्यवाद किया। साथ ही उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश में आपदा में बहुत नुकसान पहुंचा है। ऐसे में प्रदेश को एक स्पेशल राहत पैकेज की जरूरत है। हम उम्मीद करते हैं कि केंद्र प्रदेश को और मदद देगा।
देवभूमि हिमाचल में अभी भी ईमानदारी जिंदा है, इसका ताजा उदाहरण उप मंडल देहरा के अंतर्गत गांव धवाला में उस वक्त सामने आया, जब सुनील कुुमार पुत्र ईश्वर दास को नोटों से भरा पर्स मिला, लेकिन उन्होंने यह पर्स असली मालिक को लौटा दिया। जानकारी देते हुए गांव नगंल चौक निवासी सेवानिवृत्त हेड मास्टर रत्न चंद कौंडल ने बताया कि उनके बेटे प्रदीप कौंडल का पर्स कहीं गुम हो गया था। यह पर्स सुनील कुमार को सड़क पर गिरा हुआ मिला। पर्स में आईडी कार्ड देखकर उन्होंने पता लगा लिया कि यह पर्स प्रदीप कौंडल का है। उन्होंने जसवां-परागपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुशल सपेहिया के बेटे को फोन करके हमारा मोबाइल नंबर पता किया और पर्स हमारे घर पर आकर लौटा दिया। उन्होंने सुनील का बहुत-बहुत धन्यवाद किया। उन्होंने बताया इस इस पर्स रुपयों के अलावा जरूरी कागजात जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड, आई कार्ड, लाइसेंस और कई अन्य कागजात भी थे।
विधानसभा जयसिंहपुर के विधायक यादविंदर गोमा के मंत्री बनने पर आज लंबागांव और जयसिंहपुर में कार्यकर्ताओं के द्वारा मिठाई और पटाखे जलाकर जश्न मनाया। लंबागांव के रमेश राणा ने बताया कि गोमा को मंत्री पद मिलने से जयसिंहपुर में खुशी का माहौल है। वहीं जयसिंहपुर के बाजार में भी ब्लॉक अध्यक्ष के साथ कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर में अब विकास की गति तेज होगी।
-दाड़लाघाट में 2.23 करोड़ की लागत से उप कोषागार कार्यालय एवं आवासीय परिसर का शिलान्यास मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि अनुशासन, परिश्रम और समर्पण ही युवाओं को भविष्य का सफल एवं उत्तरादायी नागरिक बना सकता है। संजय अवस्थी आज सोलन ज़िला के अर्की विधानसभा क्षेत्र के दाड़लाघाट स्थित सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने इससे पूर्व दाड़लाघाट में उप कोषागार कार्यालय एवं आवासीय परिसर की आधारशिला रखी। इसके निर्माण पर लगभग 2.23 करोड़ रुपए खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि केवल अच्छे अंक प्राप्त करना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं है अपितु शिक्षा के माध्यम से हम अर्जित ज्ञान को अपनी दैनिक दिनचर्या में उताकर सफलता की ओर कदम बढ़ाते हैं। छात्रों को अपना लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम और दृढ़ता के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए क्रियाशील रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में कभी भी शॉर्टकट न अपनाएं बल्कि मेहनत को अपना सारथी बनाकर आगे बढ़ें। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का स्वरूप बदल चुका है और भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए इस बदलते स्वरूप के साथ कदमताल करना आवश्यक है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसी उद्देश्य की प्राप्ति के लिए प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोडिंग स्कूल खोलने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। राजीव गांधी डे-बोडिंग स्कूल में छात्रों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ बेहतर अधोसंरचना सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि लगभग 20 करोड़ रुपए की लागत से अर्की विधानसभा क्षेत्र के जलाणा क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किया जाएगा। संजय अवस्थी ने छात्रों से आग्रह किया कि नशे से सदैव दूर रहें और अपने शारीरिक एवं मानसिक विकास पर ध्यान दें। उन्होंने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित भी किया। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र का चहुमुंखी विकास करने के लिए योजनाबद्ध कार्य किया जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र में जल एवं सिंचाई सुविधा के लिए जीर्ण पाइपों की मुरम्मत के लिए नाबार्ड से लगभग 07.15 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत करवाई गई है। उन्होंने कहा कि समूचे क्षेत्र में पाईपों की मुरम्मत होने से पेयजल की समस्या को दूर करने में सहायता मिलेगी। संजय अवस्थी ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय दाड़ला के भवन के लिए लगभग 15 करोड़ रुपये, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दड़ाला के अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए 20 लाख रुपये तथा पशु चिकित्सालय के आवास भवन की मरम्मत के लिए 18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्यार-जावी-छामला मार्ग के लिए 1.86 करोड़ रुपए, कोटला-नुम्हाला-शिवनगर मार्ग के लिए 2.11 करोड़ रुपए, यू सम्पर्क मार्ग के लिए 82.7 लाख रुपए तथा चंगर गांव तक सम्पर्क मार्ग के लिए 61.07 लाख की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। संजय अवस्थी ने स्कूल प्रबंधन को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपए तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 2100 रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने एसवीएम दाड़लाघाट में शौचालय के निर्माण कार्य के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय समस्याएं सुनी और अधिकारियों को इनके उचित निपटारे के निर्देश दिए। इस अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयस्कूल के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
-नई दिल्ली में इंडिया टुडे ग्रुप के 'एजेंडा आज तक-2023' कार्यक्रम में लिया भाग मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में इंडिया टुडे ग्रुप द्वारा आयोजित 'एजेंडा आज तक-2023' कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अगले वर्ष के लिए सरकार का मुख्य एजेंडा हिमाचल को भारत की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से हुई तबाही के बाद युद्ध स्तर पर बहाली का काम किया गया और हिमाचल प्रदेश सर्दियों के मौसम में पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार है। उन्होंने देश-विदेश के पर्यटकों को हिमाचल आने और इसके प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और राज्य सरकार के प्रमुख निर्णयों और नीतियों के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद उनका पहला काम राज्य की वित्तीय स्थिति को सुधारना था। उन्होंने कहा कि उचित वित्तीय प्रबंधन सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए हैं और राज्य की वित्तीय स्थिति में सुधार करते हुए जल्द ही इसमें सकारात्मक बदलाव देखा जाएगा। उन्होंने दस वर्षों के भीतर हिमाचल को देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने की परिकल्पना को साकार करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने पहले साल में तीन गारंटियां पूरी की हैं और बाकी गारंटियां आगामी चार सालों में चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) मानवीय आधार पर लागू की गई, ताकि कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति के बाद का जीवन सुरक्षित हो सके। 680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना के पहले चरण में ई-टैक्सी योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत, राज्य सरकार युवाओं को ई-टैक्सी की खरीद पर 50 प्रतिशत की सब्सिडी प्रदान कर रही है जिससे राज्य में हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा तथा उनको एक निश्चित आय भी सुनिश्चित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए अगले सत्र से सभी सरकारी संस्थानों में अंग्रेजी माध्यम शुरू किया जाएगा। राज्य सरकार ने 4,000 अनाथ बच्चों को 'चिल्ड्रन ऑफ द स्टेटÓ के रूप में अपनाया है तथा उनके कल्याण के लिए देश में पहली बार कानूनन हक देते हुए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना शुरू की जिसके तहत, राज्य सरकार इन बच्चों की 27 वर्ष की आयु पूरी होने तक उनकी देखभाल और उच्च शिक्षा के लिए उचित सहायता प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाहौल-स्पीति जिला की 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को जनवरी, 2024 से 1500 रुपये प्रदान किए जाएंगे। प्रदेश की सभी महिलाओं से किया गया वादा भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। अगले वित्तीय वर्ष से विधवा महिलाओं के बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च भी राज्य सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य ने इस मानसून के दौरान सबसे भयंकर प्राकृतिक आपदा का सामना किया। राज्य ने अपने सीमित संसाधनों के बावजूद 4,500 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा की है ताकि प्रभावित लोगों को पर्याप्त सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि दूरदराज के इलाकों में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया, सड़कों और पुलों को भी युद्ध स्तर पर बहाल किया गया।
-मोदी की गारंटी ने बदला लाभार्थियों का जनजीवन -350 से अधिक सदस्यों के साथ हैट्रिक बनाएंगे मोदी नगर निगम शिमला के कसुम्पटी वार्ड में विकसित भारत संकल्प यात्रा पहुंची, जिसका वार्ड पार्षद रचना शर्मा के नेतृत्व में लोगो व भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस यात्रा के माध्यम से लोगों को सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच का कैंप भी आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के टेस्ट भी किए गए, वहीं आभा कार्ड भी निशुल्क बनाए गए। इस यात्रा में लाभार्थियों व लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में अवगत करवाया गया। आयुष्मान, आधार कार्ड, उज्ज्वला योजना ,मातृशक्ति योजना, स्टार्टअप योजना, मुद्रा योजना सहित अनेक केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी दी गई। यात्रा के दौरान पार्षद व भाजपा महिला नेत्री रचना शर्मा ने ग्रामीणों से मिलकर भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर व्यापक चर्चा की। रचना ने बताया कि वार्ड में अनेक महिलाओं को घरेलू गैस कनेक्शन मिला है, वह अब गैस सिलेंडर का उपयोग कर पा रही हैं, जिसका उन्हें पहले कभी सोचा भी नहीं था। उन्होंने बताया कि कोविड काल में सरकार ने तीन बार मुफ्त में सिलेंडर प्रदान किया है, जिससे लोगों का जीवन सुखद बना है। रचना शर्मा ने कहा कि लोग इस यात्रा में उत्साहित हैं और योजनाएं लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यह यात्रा, शहरों, ग्रामीणों के बीच सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और समस्याओं का समाधान करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी पर सबको भरोसा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 वर्षों में विकास को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि 2024 में 350 से अधिक सीट लोकसभा में जीतकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैट्रिक बनाएंगे। इस अवसर पर जयराम गोल्डी, राजेश सैनी, पूर्व डिप्टी में राकेश शर्मा सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर स्वास्थ्य विभाग के कर्मी व अन्य लाभार्थी भी उपस्थित रहे।
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने आज यहां कृषि और पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश के किसानों की आर्थिकी सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार द्वारा दूध खरीद मूल्य में 6 रुपये की वृद्धि सहित पशुपालकों व किसानों के हित में अनेक ठोस निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनवरी, 2024 से गोबर खरीद योजना शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री सुक्खू ने हाल ही में इस योजना को आरंभ करने की घोषणा की है। कृषि एवं पशुपालन विभाग इसे धरातल पर उतारने के लिए सभी तैयारियां कर रहा है। उन्होंने कहा कि योजना की सफलता के लिए पशुपालन और कृषि विभाग सामजस्य स्थापित कर, कार्य करना सुनिश्चित करें। योजना का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए पशुपालन विभाग और कृषि विभाग के दो नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। आरम्भिक चरण में योजना के अंतर्गत एक ब्लॉक में 250 किसानों को पंजीकृत किया जाएगा। छोटे, सीमांत और प्रगतिशील किसानों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से उनके कलस्टर बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्लस्टर में सम्मिलत किसानों को कृषि के साथ-साथ मुर्गी पालन, मौन पालन जैसे संबद्ध क्षेत्रों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इन किसानों को प्रदेश सरकार की अनुदान योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि किसानों से खरीदे गए गोबर का भण्डारण किया जाएगा और गोबर की आपूर्ति बागवानी, कृषि क्षेत्र और नर्सरी इत्यादि में सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा उत्पादित जैविक उत्पादों के विपणन के लिए बाजार उपलब्ध करवाया जाएगा और जैविक फसलों को आकर्षक दाम पर खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों से अवगत करवाने के लिए ई-पुस्तिका उपलब्ध करवाई जाएगी। शाहपुर से विधायक केवल सिंह पठानिया ने किसानों, बागवानों के हितों में लिए जा रहे निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कृषि मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा कई प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में अनेक अभिनव पहल पर कार्य किए जा रहे हैं। बैठक में सचिव कृषि सी.पॉलरासु, निदेशक कृषि कुमुद सिंह, निदेशक पशुपालन डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन की त्रैमासिक बैठक कुनिहार के तालाब पेंशनर हाउस में एसोसिएशन के प्रधान धनिराम तनवर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में एसोसिएशन के सभी सदस्यों द्वारा सरकार के प्रति रोष प्रकट किया गया कि पेंशनर कई बार सरकार से आग्रह कर चुके हैं कि उनकी काफी लंबे समय से वित्तीय लाभ की लंबित राशि के बारे कोई भी घोषणा नहीं की जा रही है। सरकार प्रतिदिन प्रदेश में नई-नई घोषणाएं कर रही है, मगर पेंशनरों के हक में कोई बात नहीं कर रही है, जिसके कारण पेंशनर परेशान हैं। सरकार उनके 12 फीसदी डीए व नए वेतनमान की बढ़ी हुई पेंशन के 80 प्रतिशत एरियर को दबाकर बैठी है, जिसका इंतजार वे कई महीनों से कर रहे हैं। सरकार पेंशनर के लिए हर जिला में मेडिकल बिलों का भुगतान करने के लिए कोई भी राशि बजट के रूप में नहीं दे रही है। उम्रदराज पेंशनर कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं, मगर उनके मेडिकल बिल कई महीनों से पेंडिंग पड़े हुए हैं, जिनका भुगतान नहीं किया जा रहा है। पुलिस हेडक्वाटर द्वारा प्रदेश के भी एसपी को निर्देश दिए जाएं कि साल में दो बार पुलिस पेंशनर के साथ जब वेलफेयर की मीटिंग होती है तो उन्हें भी शामिल किया जाए। इसी प्रकार पुलिस हेडक्वार्टर सरकार से मामला उठाए कि फौजी पेंशनर की तरह पुलिस कर्मी व पुलिस पेंशनर के बच्चों को भी पुलिस भर्ती में कुछ सीटें आरक्षित रखी जाएं। बैठक में केके शर्मा, जीत सिंह, नेकीराम, सतपाल, इंद्रजीत सिंह, नागेंद्र ठाकुर, रतिराम शर्मा, पतराम पंवर, बीणा, आशा राणा, पुष्पा सूद, धर्म सिंह, सीताराम, भरत सिंह, दीप राम ठाकुर, बेद ठाकुर, चमनलाल, गरजा राम इत्यादि मौजूद रहे।
ज्वालामुखी विधानसभा के क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शहीद लक्खा सिंह राजकीय उच्च विद्यालय बलाहरा के दसवीं कक्षा के छात्र सुमित राणा का चयन साइंस इंस्पायर अवॉर्ड योजना के तहत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। हाल ही में चंबा जिले में जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर लौटे छात्र का स्कूल प्रबंधक कमेटी और स्टाफ सदस्यों ने स्कूल पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। मुख्यध्यापक दुनी चंद ने कहा कि चंबा में आयोजित इस प्रतियोगिता में चंबा व कांगड़ा जिले के लगभग 120 स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया था, इसमें हमारे विद्यालय के छात्र का चयन होना बड़े गर्व की बात है। इसके लिए उन्होंने साइंस की अध्यापिका प्रियंका शर्मा और छात्र के अभिभावकों को बहुत-बहुत बधाई दी और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए बच्चे को शुभकामनाएं दीं।
प्रदेश सचिव हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया विभाग एवं पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी जयसिंहपुर एससी प्रकोष्ठ राज वर्मा ने स्थानीय विधायक यादविंदर गोमा के मंत्री बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ है कि सरकार में जयसिंहपुर से कोई मंत्री बना है। अब क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के अंतर्गत आज पुलिस टीम डमटाल द्वारा छन्नी नजद पीर बाबा मंदिर में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई अमल मे लाई गई है। जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक नुरपुर अशोक रत्न ने बताया कि नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम में नुरपुर पुलिस द्वारा हर दिन नशा कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आज डमटाल पुलिस द्वारा प्रदीप कुमार पुत्र विजय कुमार निवासी छन्नी तहसील इंदौरा से 107.40 ग्राम हेरोइन व 60 हजार नकदी बरामद की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अभियोग आधीन धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। उपरोक्त व्यक्ति के खिलाफ 08/12/2021 में भी डमटाल थाना में 10.46 ग्राम चिट्टा पकड़े जाने का मामला दर्ज है।
हिमाचल की सुक्खू कैबिनेट में मंगलवार को दो और मंत्री जुड़ गए। बिलासपुर जिले से राजेश धर्माणी और कांगड़ा जिले से यादविंदर गोमा को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। राजेश धर्माणी बिलासपुर से कांग्रेस के इकलौते विधायक हैं। ऐसे में उन्हें मंत्री पद मिलना जिले के लिए काफी अहम है। वहीं, यादविंदर गोमा कांगड़ा जिले से संबंध रखते हैं। कांगड़ा एक ऐसा जिला है, जिसका सरकार बनाने में अहम योगदान रहता है। इस बार भी कांगड़ा से कांग्रेस के 10 विधायक हैं। पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक सुधीर शर्मा भी कांगड़ा से ही हैं। वे प्रदेश की दूसरी राजाधानी धर्मशाला के विधायक हैं। वे भी मंत्री बनने के अरमान लिये बैठे हैं, लेकिन उनका यह अरमान एक बार फिर अधूरा ही रह गया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने उनकी जगह यादविंदर गोमा को मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया है। सियासी तौर पर माहिर माने जाने वाले सुधीर की राजनीतिक पारी धर्मशाला में वर्ष 2019 हुए विधानसभा के उप चुनाव से डांवाडोल चल रही है। इस उप चुनाव को सुधीर शर्मा ने नहीं लड़ा था। वर्ष 2022 के चुनाव के दौरान भी सुधीर का टिकट अंतिम चरण में घोषित हुआ था। सुधीर के साथ ही हमीरपुर जिले के सुजानपुर विधानसभा हलके से विधायक राजेंद्र राणा की हसरतें भी फिर अधूरी रह गईं। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरा प्रो. प्रेम कुमार धूमल को हराकर चर्चा में आए कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने 2022 में लगातार दूसरा चुनाव जीता है। जिला हमीरपुर से ही मुख्यमंत्री सुक्खू के होने के चलते क्षेत्रीय समीकरण का संतुलन बनाए रखना राजेंद्र राणा को मंत्री की कुर्सी तक पहुंचने से बार-बार रोक रहा है। अब हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत ही बिलासपुर से धर्माणी की नियुक्ति होने से राणा के लिए आने वाले वर्षों में भी मंत्री पद की राह मुश्किल भरी हो गई है।
बॉलीवुड क्वीन कंगना रनौत ने मंगलवार को बिलासपुर में आयोजित एक सोशल मीडिया मीट में कहा कि मेरी विचारधारा आरएसएस से मिलती है। कंगना इस मीट में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थीं। इस सोशल मीट का आरएसएस के प्रचार प्रमुख सहित 100 सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने भाग लिया। मीट का मुख्य उद्देश्य विभिन्न आयामों में सक्रिय प्रभावकों को एक मंच के माध्यम से एकत्रित करना, राष्ट्र, समाज और प्रदेश के लिए सार्थक संवाद पर बल देना था। पीएम मोदी असाधारण व्यक्ति अपने संबोधन में कंगना ने पीएम मोदी को असाधारण बताते हुए कहा कि देश में 70 साल में जो नहीं हो सका, वह उन्होंने 10 साल में ही कर दिखाया। इससे पहले भी कंगना रनौत बीजेपी के टिकट पर हिमाचल या पंजाब से चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुकी है। कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के भांबला की रहने वाली हैं। उन्होंने मनाली में भी घर बनाया है।
- कार्ट ने 15 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा पेपर लीक मामले में संलिप्त भंग कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सचिव जितेंद्र कंवर को विजिलेंस ने फिर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया है। अदालत ने आरोपी को 15 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। आरोपी को दो पोस्टकोड के प्रश्नपत्र लीक मामले में एफआईआर में नामजद किया है। मिली जानकारी के मुताबिक जितेंद्र कंवर को विजिलेंस टीम ने आयोग से निलंबित वरिष्ठ सहायक उमा आजाद के घर पर मिले दो परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों के आधार पर गिरफ्तार किया है। 23 दिसंबर, 2022 को जेओए आईटी परीक्षा के पेपर लीक मामले में पहली एफआईआर दर्ज हुई थी। 4 अप्रैल, 2023 को पोस्ट कोड 965 जेओए आईटी परीक्षा पेपर लीक मामले में पूर्व सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर को गिरफ्तार किया था। प्रथम एफआईआर में गिरफ्तारी के बाद पुलिस रिमांड और न्यायिक हिरासत के उपरांत जितेंद्र कंवर को जमानत पर रिहा किया था। पेपर लीक प्रकरण में 28 दिसंबर, 2022 जूनियर ऑडिटर और कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती पेपर लीक मामले में दूसरी एफआईआर दर्ज हुई थी। अब इस एफआईआर पर जितेंद्र कंवर की गिरफ्तारी को अहम माना जा रहा है। संभावना यह भी जताई जा रही है कि कर्मचारी चयन आयोग से जुड़े कुछ और लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। भंग आयोग के सचिव के साथ आरोपी जितेंद्र कंवर के पास परीक्षा नियंत्रक और भर्ती रिकॉर्ड के कस्टोडियन का जिम्मा भी था। पेपर लीक प्रकरण में अब तक 13 मामले दर्ज हो चुके हैं।
भारतीय डाक विभाग धर्मशाला मंडल द्वारा धर्मशाला डाक मंडल के अंतर्गत डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा के विस्तार के लिए प्रोत्साहन पर प्रत्यक्ष अभिकर्ताओं (डायरेक्ट एजेंट) की नियुक्ति हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किए जा रहे हैं। यह जानकारी देते हुए अधीक्षक डाकघर धर्मशाला रविंद्र शर्मा ने बताया कि आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास व न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष रखी गई है। उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदक अपने नजदीकी डाकघर से आवेदन पत्र लेकर, दस्तावेजों सहित उसे अधीक्षक डाकघर धर्मशाला के कार्यालय में स्वयं या स्पीड पोस्ट के माध्यम से 31 दिसंबर तक जमा करवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01892-226924 या विकास अधिकारी पंकज कुमार के मोबाइल न. 9418673287 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि संकाय के सौ वर्ष पूरे होने और भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विधि संकाय द्वारा नई दिल्ली में आयोजित 'युवा संसद कार्यक्रम' को संबोधित किया। इस अवसर पर विधि संकाय के छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए सकारात्मक सोच और रचनात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और ऐसे में युवाओं को मानसिक दृढ़ता का विकास कर देश का एक प्रबुद्ध नागरिक बनना चाहिए। राज्यपाल ने विविधता में एकता के सिद्धांत को समझने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि यह हमारे देश की अनूठी विशेषता है। विद्यार्थी एकता के महत्व को समझें और राष्ट्र निर्माण में जुट जाएं तथा देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कानून के छात्रों को किताबें पढ़ने की आदत विकसित करने का परामर्श देते हुए कहा कि यह केवल अभ्यास मात्र तक सीमिति नहीं होना चाहिए बल्कि उन्हें सामग्री के बारे में अपने विचारों एवं भावनाओं का परीक्षण कर गहरी अवधारणाओं की समझ विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को प्रभावित करने वाले मुद्दों के बारे में युवाओं को जागरूक होना चाहिए और निडर होकर अपनी राय भी देनी चाहिए। राज्यपाल ने संसद के महत्व और इसकी गौरवशाली परंपराओं के बारे में भी चर्चा की और कहा कि देश की प्रतिष्ठित हस्तियां और कानूनविद हमारे लिए प्रेरणा स्रोत रहे हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर योगेश सिंह ने भी छात्रों को संबोधित किया। विधि संकाय की डीन प्रोफेसर अंजू वली टिकू ने राज्यपाल का स्वागत किया। युवा संसद के संयोजक डॉ. विकेश राम त्रिपाठी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विधि संकाय के विद्यार्थी व शिक्षक उपस्थित थे।
-जिप अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई बैठक में 80 मदों पर हुई चर्चा जिला परिषद सोलन के अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने जिला परिषद सदस्यों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियां एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि विकास कार्यों को पूर्ण करने के लिए बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करें ताकि लंबित पड़े विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जा सके। रमेश ठाकर आज यहां जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। ज़िला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधि विभिन्न समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर शीघ्र सुलझा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न मांगों पर पूर्व में चर्चा होने से नई समस्याओं के संबंध में बैठक में विचार करने के लिए अधिक समय मिलता है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों का यह प्रयास रहता है कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सकारात्मक सहयोग से जनता की समस्याओं का शीघ्र निवारण किया जा सके। रमेश ठाकुर ने कहा कि जिला परिषद की बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति के माध्यम से समस्याएं शत-प्रतिशत सुलझाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों को ज़िला परिषद की बैठक अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति सुनिश्चित बनानी चाहिए। उन्होंने बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सदस्यों से आग्रह किया कि अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं बैठक से 15 दिन पूर्व प्रेषित करें ताकि इनका उचित समाधान किया जा सके। उन्होंने कुंडली नदी पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रिया के समीप, मुर्गी पालन फार्म पंजेहरा के नजदीक, महादेव नदी पर तथा झिड़ीवाला के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुल का निर्माण कार्य 31 मार्च, 2024 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि क्षेत्रीय परिवहन से संबंधित लंबित मामले ज़िला परिषद सोलन की ओर से सीधे क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण को प्रेषित किए जाएंगे ताकि बस से सम्बन्धित सभी मांगों का स्थाई समाधान शीघ्र निकाला जा सके। बैठक में ज़िला में अवैध नशा निवारण केंद्रों के विषय में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ज़िला में अवैध नशा निवारण केन्द्रों पर सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाए ताकि रास्ता भटक चुके युवाओं को सही केन्द्रों में उचित उपचार मिल सके। बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि ज़िला स्तरीय नशा निवारण योजना बनाकर भविष्य में अध्यापक वर्ग, अभिभावक वर्ग के साथ-साथ सरकारी विद्यालयों, निजी विद्यालयों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में समय-समय पर नशा निवारण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ज़िला के समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक माह में एक बार खंड विकास अधिकारी विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक सम्बन्धित ज़िला परिषद सदस्य की उपस्थिति में करवाना सुनिश्चित करें ताकि विकासात्मक कार्यों में गति लाई जा सके। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय कुमार यादव ने विश्वास दिलाया कि ज़िला प्रशासन चुने हुए प्रतिनिधियों के समन्वय के साथ जन समस्याओं के निवारण के लिए प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि विकासात्मक कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ गतिशीलता लाएं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के अनुभव एवं बेहतर निर्णय आमजन की समस्या को कम करने में सहायक बनते हैं। आज की बैठक में लगभग 80 मदों पर चर्चा की गई। बैठक में ज़िला परिषद उपाध्यक्ष कमलेश कंवर, विभिन्न ज़िला परिषद सदस्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन योगेश रौल्टा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी गोपाल चंद शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, समस्त खण्ड विकास अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
सहायक अभियंता, विद्युत उप मंडल-1, रमन भरमौरिया ने बताया कि विद्युत लाइनों के सामान्य रख-रखाव के चलते कोतवाली बाजार, जलशक्ति भवन, नगर निगम कार्यालय, यात्री निवास, जोनल अस्पताल, आयुर्वेदिक अस्पताल, न्यायिक परिसर, टेलीफोन एक्सचेंज, एसपी ऑफिस, डीसी ऑफिस, डिप्पु बाजार, सिविल लाईन्स, राम नगर, लोअर टीसीवी, महाजन क्लीनिक श्याम नगर, पुलिस लाइन, इकजोत कालोनी, चीलगाड़ी, हाउसिंग बोर्ड कालोनी, शिक्षा बोर्ड, आकाशवाणी, डिग्री कॉलेज, बीएड कॉलेज, सकोह, चेलियां, क्रिकेट स्टेडियम, सरसवती नगर, सिविल बाजार, फोरेसिंक लैब, टी एस्टेट, पेट्रोल पम्प, गोरखा कालोनी, सर्किट हाउस, ऑफिसर कालोनी चीलगाड़ी, मेक्लोड़गंज, दलाई लामा मंदिर, जोगीवाड़ा, हेरू, टिप्पा, संजय मार्ग तथा साथ लगते क्षेत्रों में वीरवार, 14 दिसंबर को प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक अथवा कार्य की समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में यह कार्य अगले दिन किया जाएगा।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी और विवि के कृषि विज्ञान केंद्रों और अनुसंधान स्टेशनों में बागवानों के लिए फलदार पौधे की वार्षिक बिक्री मंगलवार को भी जारी रही। आज पौधों की बिक्री का दूसरा दिन था और काफी संख्या में किसानों ने फलों के पौधे खरीदे। इस वर्ष 11 दिसम्बर से पहले आओ पहले पाओ के आधार पर फल रोपण सामग्री की वार्षिक बिक्री मुख्य परिसर में तीन नर्सरियों, कंडाघाट, रोहड़ू में कृषि विज्ञान केंद्र और मशोबरा, बजौरा और शारबो (किन्नौर) में अनुसंधान केंद्रों से विभिन्न फलों की किस्मों की बिक्री जारी रही। दूसरे दिन 404 किसानों ने 13121 से अधिक पौधे विभिन्न नर्सरियों से खरीदे। अब तक दो दिनों में 1186 किसान 35,445 से अधिक पौधे खरीद चुके हैं। सेब में रॉयल डेलीशीयस कि़स्मों की अलावा ज़ेड 1, स्करलेट स्पर 2, डार्क बेरन गला, किंग रोट, मेमा गला, स्चीनिको रेड गला, अर्लि रेड वन जैसे किस्में लोकप्रिय रहीं। वहीं जापानी फल में फुयु काफी लोकप्रिय रहीं। इस वर्ष, विश्वविद्यालय और क्षेत्रीय स्टेशनों द्वारा 2.72 लाख से अधिक पौधे तैयार किए हैं। सेब के लगभग 50000 क्लोनल रूटस्टॉक भी उपलब्ध होंगे। इस बिक्री के दौरान किसानों को सेब, कीवी, अनार, खुमानी, आड़ू, नेक्टराइन, चेरी, अखरोट, नाशपाती, प्लम आदि की विभिन्न किस्में उपलब्ध करवाई जा रही है।
उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने आज वीरवार को बुजुर्गों की घरेलू स्वास्थ्य सहायता के लिए आवश्यक मूल्यांकन सर्वेक्षण का शुभारंभ किया। उन्होंने यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज दिवस के अवसर पर सेहत सेवा अभियान के तहत बुजुर्गों के लिए इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 12 आपदा मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने आपदा उपरांत उनकी सेवाओं और बुजुर्गों के लिए किए जाने वाले विशेष कार्यों के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने आपदा मित्रों को सेहत सेवा अभियान में स्वयंसेवक बनने और बुजुर्गों के लिए प्रारंभ किए गए यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज का कार्य गंभीरता से करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है, जिसमें योग्य और सक्षम युवा महिलाएं स्वयंसेवकों के रूप में सेहत सेवा अभियान में शामिल हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि इसके तहत वे अपनी पंचायतों में सामाजिक उद्यम आधारित स्व-रोजगार स्वयंसेवक बनने के लिए एक साल का डिप्लोमा ले सकती हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से इस सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज मिशन में योगदान देने की अपील की।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में आज एक दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खेल कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन शारीरिक शिक्षा के प्राध्यापक डॉ ख़ुशी राम भगत की देख रेख मे किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज स्रह्य प्राचार्य डॉ. प्रदीप कॉडल ने मुख्य अतिथि के रूप मे शिरकत की। आयोजन की शुरुआत संगीत विभाग की छात्राओं द्वारा वंदे मातरम से हुई। इस अवसर पर रोवर्स रेंजेर्स, राष्ट्रीय सेवा योजना, रेड रिबन क्लब, रोड सेफ्टी क्लब के सदस्यों और उपस्थित सभी एथलिट व अन्य छात्रों ने मार्च पास्ट किया। प्रोफेसर किरण शर्मा और प्रोफेसर रजनी देवी ने मंच संचालन किया। प्राचार्य डॉ. प्रदीप कॉडल ने अपने संबोधन मे सभी खेल प्रतिभागियों को खेल प्रतियोगिता के तहत विशुद्ध खेल भावना अपनाने को प्रेरित किया और यह भी मार्गदर्शन किया कि खेल में हार और जीत तो लगी रहती है। जो खिलाड़ी हारता है, वह जीतने वाले के साथ बिना किसी वैर भाव के हाथ मिलाता है और अपनी पराजय की कमियों को सच्चे मन से स्वीकार करता है। यही खेल भावना के प्रति सच्ची प्रतिबद्धता है। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ एथलीट महिला वर्ग में प्रिया एवं पुरुष वर्ग में अक्षय रहे। ये रहे विजेता खेल प्रतियोगिता का प्रारंभ 400 मीटर की दौड़ से हुआ। पुरुष वर्ग की 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान आयुश पटेल, द्वितीय स्थान सोरव बनेर, तृतीय स्थान कृष ने प्राप्त किया । महिला वर्ग की 400 मीटर दौड़ मैं प्रथम स्थान प्रिया, द्वितीय स्थान सुहानी, तृतीय स्थान आरती ने प्राप्त किया। 200 मीटर पुरुष दौड़ में प्रथम स्थान अक्षय, द्वितीय स्थान पर आदित्य, व तृतीय स्थान सौरव बनेर ने प्राप्त किया। 200 मीटर महिला दौड़ में प्रथम स्थान पर आरती, द्वितीय स्थान पर कनिका, व तृतीय स्थान पलक ने प्राप्त किया। 100 मीटर पुरुष दौड़ में अक्षय प्रथम स्थान पर, आयुश कटोच द्वितीय स्थान पर, सौरव शर्मा तृतीय स्थान पर रहे। 100 मीटर महिला दौड़ में प्रिया प्रथम स्थान पर, कनिका धिमान द्वितीय स्थान पर, सनेहा तृतीय स्थान पर रही। पुरुष शॉर्टकट में राहुल प्रथम स्तान पर, रोहित द्वितीय स्थान पर और करण तृतीय स्थान पर रहे। महिला शॉटपुट में राधिका प्रथम स्थान पर, दिव्या ज्योति द्वितीय स्थान और तनु राना तृतीय स्थान पर रही। पुरुष लौंग जंप में अक्षय प्रथमस्थान पर सौरव द्वितीय स्थान पर और युद्ध वीर तृतीय स्थान पर रहे। महिला लौंग जंप में तनु राना प्रथम स्थान कनिका धिमान द्वितीय स्थान और रितु तृतीय स्थान पर रही। पुरुष हाई जंप में युधवीर प्रथम स्थान पर आयुश ?द्वितीय स्थान पर और अभिषेक तृतीय स्थान पर रहे। महिला हाई जंप में प्रिया प्रथम स्थान कनिका द्वितीय स्थान और रितु तृतीय स्थान पर रही। पुरुष डिस्कस थ्रो में राहुल प्रथम स्थान पर रोहित द्वितीय स्थान पर और आदित्य तृतीय स्थान पर रहे। महिला डिस्कस थ्रो में दिव्या ज्योति प्रथम स्थान कंचन द्वितीय स्थान और नेहा राठोर तृतीय स्थान पर रही। पुरुष जैवलीन थ्रो में अक्षय प्रथम स्थान पर सौरव ?द्वितीय स्थान पर और पंकज तृतीय स्थान पर रहे। महिला जैवलीन थ्रो में दिव्या ज्योति प्रथम स्थान राधिका द्वितीय स्थान और मनीशा तृतीय स्थान पर रही। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक और गैर शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. सुरजीत सिंह राणा ने किया। संपूर्ण खेल आयोजन डॉ. खुशी राम भगत की देखरेख में संपन्न हुआ।
हिमाचल मंत्रिमंडल में पहली बार मंत्री बने कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर के विधायक यादविंदर गोमा का जन्म 4 फरवरी, 1986 को पालमपुर, में विद्या देवी एवं मिल्खी राम गोमा (पूर्व विधायक) के घर हुआ। इन्होंने बीटेक (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) तथा आईईईटी बद्दी से एमबीए की शिक्षा ग्रहण की। इनका विवाह नीलम गोमा से हुआ। इनकी एक पुत्री है। गोमा वर्ष 2010-2015 तक जयसिंहपुर निर्वाचन क्षेत्र से युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, वर्ष 2011 से 2014 तक राज्य राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के महासचिव और वर्ष 2019-2021 तक हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रहे। वर्ष 2012 में गोमा प्रदेश विधानसभा के लिए चुने गए और दिसंबर, 2022 में पुन: निर्वाचित हुए। वह अधीनस्थ विधान समिति के अध्यक्ष और कल्याण एवं नियम समितियों के सदस्य के रूप में मनोनीत किए गए। वर्तमान सुक्खू सरकार में उन्हें मंत्री पद मिला है। अभी उनके मंत्रालय की घोषणा नहीं हुई है।


















































