मंडी जिले के उपमंडल धर्मपुर में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। युवक को बचाने की कोशिश कर रहा एक व्यक्ति घायल भी हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंडी जिले के धर्मपुर के चौकी कलोगा में शादी समारोह के बाद शनिवार देर रात चार व्यक्ति घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक कार में दो लोग आए। उन्होंने रवि नाम पूछा और उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में रवि की मौत हो गई, जबकि बचाव में आया एक व्यक्ति घायल हो गया। युवक की हत्या क्यों की गई, इसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोलन जिला में आज राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन किया गया। जिले के उप मंडल नालागढ़, कसौली, अर्की तथा सोलन मुख्यालय में 11 लोक अदालत बैंचों का गठन किया गया था। इन लोक अदालतों का आयोजन अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश सोलन अरविंद मलहोत्रा की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर कुल 13016 मामलों को सुनवाई के लिए अदालत सीटिंग्स एवं लोक अदालत की विभिन्न बैंचों के समक्ष रखा गया, जिसमें से 4362 मामलों का निपटारा विभिन्न पक्षों की आपसी सहमति से किया गया तथा 33,91,26,838 रुपये राशि प्राप्त हुई। इन मामलों में 11522 मोटर व्हीकल चालानों को भी विभिन्न बैंचों के समक्ष रखा गया, जिसमें से कुल 3404 मामलों का निपटारा किया गया। यह जानकारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन आकांक्षा डोगरा जी ने दी।
-धर्मशाला में अधिकारियों संग की बैक-टू-बैक बैठकें -कार्यक्रम स्थल में लिया व्यवस्थाओं का जायजा व्यवस्था परिवर्तन का एक साल पूर्ण होने पर धर्मशाला के पुलिस मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों को उचित दिशा-निर्देश देने के साथ कार्यक्रम स्थल में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की जा रही है। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज शनिवार को कार्यक्रम के आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक और पुलिस मैदान में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद यह बात कही। इस दौरान विधायक शाहपुर केवल सिंह पठानिया, विधायक ज्वालामुखी संजय रतन सहित मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील बिट्टू तथा ओएसडी राजनीतिक मामले रितेश कपरेट उनके साथ उपस्थित रहे। विभागों की जिम्मेदारियां तय राजस्व मंत्री ने सर्किट हाउस धर्मशाला में बैक-टू-बैक बैठकें कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों से तैयारियों का ब्यौरा लिया। उन्होंने सभी विभागों की जिम्मेदारियां सुनिश्चित कर अधिकारियों को उन्हें समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का एक साल कार्यक्रम के लिए कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व सहित पूरी प्रदेश सरकार धर्मशाला आएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम हर लिहाज से बेहतर हो, इसके लिए सभी विभाग गंभीरता से कार्य करें। जनता को न हो दिक्कत, व्यवस्थित रहे ट्रैफिक जगत सिंह नेगी ने पुलिस विभाग और जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में गाड़िया धर्मशाला में आएंगी। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का एक साल होने पर पूरी सरकार सहित प्रदेश भर से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता यहां आएंगे। इस दौरान ट्रैफिक बिलकुल सुव्यवस्थित हो, जिससे आने वाले अतिथियों के साथ स्थानीय लोगों को भी कोई दिक्कत न हो। सजावट के साथ स्वच्छता पर रहे फोकस राजस्व मंत्री ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का एक साल कार्यक्रम के लिए पूरे धर्मशाला को सुंदर तरीके से सजाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की सजावट के लिए सभी जरूरी दिशा-निर्देश संबंधित विभागों को दे दिए गए हैं। उन्होंने इस दौरान सजावट के साथ-साथ साफ-सफाई की ओर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। पुलिस ग्राउंड में जांची व्यवस्थाएं जगत सिंह नेगी ने कार्यक्रम स्थल में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान मंच के निर्माण के साथ सीटिंग अरेंजमेंट और पार्किंग की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कांगड़ा के सभी न्यायालयों में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह जानकारी देते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिखा लखनपाल ने बताया कि इसमें प्री-लिटिगेशन, एन आई एक्ट, धन वसूली के मामले, श्रम विवाद, जरूरी सेवाओं संबंधित मामले (बिजली तथा जल बिल मामले आदि), दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 125 खर्चे के मामले, अपराधिक कंपाउडेबल मामले, मोटर दुर्घटना, दावा अधिकरण के केस, वैवाहिक मामले, भूमि अधिग्रहण के मामले, राजस्व मामले, अन्यथा सिविल मामले आदि (मुकदमा पूर्व मामला तथा कोर्ट में लंबित मामले दोनों शामिल) के 9,027 केस लगाये गये थे। उन्होंने बताया कि इनमें से 3,272 केसों में समझौता किया गया तथा लगभग 10 करोड़ 29 लाख रुपये राशि प्राप्त हुई।
-मुख्यमंत्री ने 23 मेधावियों को प्रदान किए पदक स्वर्ण -प्रत्येक स्वर्ण पदक विजेता को 10 हजार रुपये देने की घोषणा राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज सोलन जिले के नौणी स्थित डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। राज्यपाल ने 773 विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किये। इसके अलावा 1305 विद्यार्थियों को बीएससी औद्यानिकी और बीएससी वानिकी, बीटेक बायो-टेक्नोलॉजी, एमबीए/एबीएम,एमएससी और पीएचडी औद्यानिकी एवं वानिकी में डिग्रियां प्रदान कीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को 23 स्वर्ण पदक प्रदान किये, जिनमें से 20 स्वर्ण पदक छात्राओं को प्रदान किये गये। राज्यपाल ने सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड के मुख्य प्रबंध निदेशक नंद लाल शर्मा और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उप महानिदेशक शिक्षा राकेश चंद अग्रवाल को मानद उपाधि भी प्रदान की। राज्यपाल ने युवाओं से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न स्टार्ट-अप योजनाओं का लाभ उठा कर समाज के विकास में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें स्वरोजगार की ओर अग्रसर होना चाहिए और रोजगार प्रदाता बन कर अन्य लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाना चाहिए। स्वर्ण पदक विजेताओं और डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल ने उनसे राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान किया। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्राओं को सर्वाधिक डिग्रियां एवं स्वर्ण पदक मिले हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने शोध कार्य को खेतों तक ले जाएं ताकि किसान इससे लाभान्वित हो सकें। वैज्ञानिकों द्वारा किया गया शोध प्रयोगशालाओं और किताबों से निकलकर व्यवहारिक रूप से खेतों तक पहुंचना आवश्यक है। युवा वैज्ञानिकों का कर्त्तव्य है कि वे किसानों की समस्याओं का उनके खेतों में जाकर समय पर इसका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि युवा ही समाज में बदलाव ला सकते हैं। डिग्री प्राप्त करने का अर्थ केवल रोजगार अर्जित करना नहीं, बल्कि समाज कल्याण की दिशा में इसका उपयोग करना है। उन्होंने कहा कि डिग्रीधारकों को 'एक भारत, श्रेष्ठ भारतÓ की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने विभिन्न रासायनिक कीटनाशकों पर किसानों की निर्भरता कम करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यह तभी संभव है जब किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय ने प्राकृतिक कृषि प्रणाली अपनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। राज्यपाल ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की रैंकिंग में नौणी विश्वविद्यालय के प्रदर्शन में और सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा अकादमिक प्रबंधन प्रणाली शुरू करना सराहनीय है। यह प्रणाली विश्वविद्यालय को शिक्षा और डिजिटलीकरण में सर्वोत्तम शैक्षणिक पद्धतियों को अपनाने और अकादमिक रिकॉर्ड का डेटा बैंक तैयार करने में मदद करेगी। उन्होंने अंत: विषय अध्ययन और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने पर भी बल दिया और कहा कि अनुसंधान और नवोन्मेष का उपयोग करके ही देश तथा विश्व के समक्ष आने वाली चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में अनुसंधान समय की मांग है। उन्होंने बदलते परिप्रेक्ष्य में कार्यों में गति एवं गुणवत्ता लाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी के उपयोग पर बल देते हुए कहा कि इसके लिए ई-शिक्षा और तकनीक के उपयोग पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस अवसर पर मेधावी छात्रों को बधाई दी और प्रत्येक स्वर्ण पदक विजेता को 10,000 रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि चुनौतियां जीवन का एक हिस्सा हैं और सकारात्मक सोच से चुनौतियों पर विजय हासिल कर सफलता पाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को पहचानने और संरक्षित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि लड़कियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और 23 स्वर्ण पदक विजेताओं में से 20 लड़कियां हैं। राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और कई जिलों में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पुलिस भर्ती में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जाएगा। समाज के विकास में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रदेश सरकार लड़कियों की विवाह योग्य आयु 18 से बढ़ाकर 21 वर्ष करने पर विचार कर रही है और इस विषय पर परामर्श के लिए एक समिति का गठन किया गया है। अपने छात्र जीवन से जुड़ी यादों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन के बेहतर साल हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में बिताए और उसके बाद सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया। उन्होंने कहा कि युवा हिमाचल प्रदेश का भविष्य हैं। विवेकानंद योगा और मेडीटेशन सेंटर का किया लोकार्पण इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने 1.16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कौशल विकास छात्रावास और 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित विवेकानंद योगा और मेडीटेशन सेंटर का लोकार्पण किया। डॉ.यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेश्वर चंदेल ने विश्वविद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों और अन्य गतिविधियों से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने अनुसंधान के क्षेत्र में विशेष कार्य किया है। उन्होंने प्राकृतिक खेती और विकास में अनुसंधान के लिए चार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में अगले शैक्षणिक सत्र से प्राकृतिक खेती में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम आरम्भ किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विश्वविद्यालय में अनुसंधान कार्य को प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए 2.50 करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं और यह राशि 41 परियोजनाओं के माध्यम से विभिन्न विभागों को आवंटित की जाएगी। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार नरेंद्र चौहान ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
अनिल नेगी/रामपुर बुशहर एसजेवीएन इंटर प्रोजेक्ट खेल प्रतियोगता 4 नवंबर से शुरू हुई थी, जो 7 जनवरी, 2024 तक जारी रहेगी। प्रतियोगिता के दूसरे चरण में 9 दिसंबर से 10 दिसंबर तक एनजेएचपीएस झाकड़ी में फुटबॉल प्रतियोगिता करवाई जा रही है, जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख मनोज कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर एसजेवीएन सॉन्ग को गाया गया। मुख्यातिथि ने कहा कि यह महज एक खेल ही नहीं, बल्कि खिलाड़ी टीम वर्क, अनुशासन, दृढ़ता, लक्ष्य निर्धारण, सफलता की ललक के साथ फिट रहने का भी मूलमंत्र है। प्रतियोगिता में कुल 4 टीमें ले रहीं भाग दो दिनों तक चलने वाली इस आंतर प्रोजेक्ट फुटबॉल प्रतियोगिता में कुल 4 टीमें भाग ले रही हैं, जिसमें होस्ट टीम नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन के अतिरिक्त कॉरपोरेट हेडक्वार्टर शिमला, रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन और लुहरी हाइड्रो इलेक्ट्रिकल प्रोजेक्ट की टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता में पहले दिन लीग मैच खेले जाएंगे। रविवार को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों के मध्य फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस दौरान परियोजना के सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र मनकोटिया ने कहा है कि सत्ता में रहते भाजपा ने खुद को कुछ किया नहीं, लेकिन अब सुक्खू सरकार से एक साल के कार्यकाल का हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि शनिवार को नलेटी में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का यह कहना पूरी तरह गलत है कि कांग्रेस सरकार ने कोई गारंटी पूरी नहीं की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कई साल से लंबित ओपीएस की मांग को कांग्रेस ने ही पूरा किया है। अब कर्मचारियों का भविष्य पूरी तरह सुरक्षित हो चुका है। हजारों महिलाओं को मासिक 1500 रुपये मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनुराग को समझना चाहिए कि सरकार का कार्यकाल एक साल का नहीं बल्कि पांच साल का होता है। इसलिए एक साल में यह कह देना कि सरकार गारंटियां पूरी नहीं कर पाई, पूरी तरह समझ से परे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व जयराम सरकार ने प्रदेश को 60 हजार करोड़ रुपये के कर्ज के नीचे दबा दिया है। जबकि सुक्खू सरकार ने आपदा के बावजूद समाज के हर वर्ग को राहत पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री चंद्र कुमार कह चुके हैं कि एक जनवरी से गोबर खरीदा जाएगा। साथ ही धर्मशाला के पास स्थित ढगवार में दूध खरीदने की भी तैयारी चल रही है।
राजकीय महाविद्यालय आनी और जीजीसी हमीरपुर की ओर से विभिन्न वैश्विक और स्थानीय भागीदारों के सहयोग से आनलाइन अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। 6 से 8 दिसंबर तक चले कार्यक्रम में भारत और विदेश से 500 से अधिक छात्र, शिक्षक और पेशेवर एक साथ आए। इस दौरान युवाओं का कौशल बढ़ाने और नौकरी प्लेसमेंट बढ़ाने पर चर्चा की गई। कार्यशाला में राजकीय महाविद्यालय देहरा के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. करण पठानिया ने युवल नूह हरारी की ' सेपियंस: ए ब्रीफ हिस्ट्री ऑफ ह्यूमनकाइंड' पर विचार रखे। उन्होंने दुनिया में हमारी अद्वितीय स्थिति के साथ आने वाली जिम्मेदारियों पर विचार करने का आग्रह किया गया। कार्यशाला में डॉ. जीतेंद्र (मस्तिष्क वैज्ञानिक) और डा. रमेश ने मेमोरी लैब: शैक्षिक संस्थानों में भविष्य की तैयारी के लिए संज्ञानात्मक कौशल को बढ़ाने पर जोर दिया। डॉ. अनिरुदिता सक्सेना ने सॉफ्ट स्किल्स रिवोल्यूशन पर विचार रखे।
अखिल भारतीय हिमाचल सामाजिक संस्था संघ (रजि.) का दो दिवसीय अर्धवार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ हिमाचल कल्याण सभा चंडीगढ़ के तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम में हिमाचल व अन्य राज्यों की हिमाचली संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इस मौके पर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष केएम लाल व राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र कंवर ने विशेष रूप से शिरकत की। केएम लाल ने कहा कि अखिल भारतीय हिमाचल सामाजिक संस्था संघ हिमाचली सामाजिक संगठनों की एक सर्वोच्च संस्था है। जो देश के विभिन्न शहरों में मानव कल्याण के लिए काम कर रही है। अखिल भारतीय हिमाचल समाजिक संस्था संघ के माध्यम से हिमाचल प्रदेश को शिखर पर पहुंचाना है। देश भर में अग्रणी राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि संस्था के माध्यम से समाज के हर वर्ग का उत्थान किया जा सकता है। बैठक में केंद्र सरकार से मांग की गई है कि चंडीगढ़ में हिमाचल का 7.19 प्रतिशत हिस्सा दिया जाए। इसके अलावा प्रदेश सरकार से अनाथालय, वृद्ध आश्रम गैर सरकारी संगठन की अनुदान राशि को बंद करने पर चर्चा की गई। वहीं जल्द इस अनुदान राशि को जारी करने की मांग उठाई गई। हिमाचल के किसानों को सब्जी बेचने के लिए हर जिला में सब्जी मंड़ी खोलने की मांग उठाई गई, ताकि हिमाचल के किसानों को सब्जी बेचने के लिए अन्य राज्यों की और रुख न करना पड़े। किसान अपने क्षेत्र में ही सब्जी बेच सके। इसके अलावा पहाड़ी भाषा को संविधान की आठवीं सूची में शामिल करने पर भी चर्चा की गई। वहीं नशे पर अंकुश लगाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। नशे पर चोट करने के लिए समाज के हर वर्ग को पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई, ताकि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखा जा सके। वहीं प्रदेश सरकार से मांग की गई कि सामाजिक संस्थाओं को विभिन्न समितियों में राज्य स्तरीय की सामाजिक निकाओं/संगठनों को प्रतिनिधित्व दिया जाए। बैठक में संघ के महासचिव जितेन्द्र कंवर ने संघ के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की कि भाखड़ा विस्थापित परिवारों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। हालांकि कई समस्याएं संघ के माध्यम से हल भी करवाई गई है। संघ द्वारा केंद्र सरकार से मांग की गई है कि चंडीगढ़ में हिमाचल का 7.19 प्रतिशत हिस्सा दिया जाए। बैठक में संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष केएम लाल, राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र कंवर, राकेश शर्मा, योगेश कौशल, कृष्णपाल शर्मा, अरुण पाल, राजेश शर्मा, सोहन लाल कपिल, पिरथी सिंह प्रजापति, मनोहर लाल राणा, सतीश शर्मा, सचिन रायजादा, कर्म चंद बक्शी, विजय शर्मा, किशोरी लाल, शिवेंद्र, सतेंद्र चड्डा, पंकज, जसवंत सिंह, साहिल आदि उपस्थित थे।
-स्कूल के बच्चों ने अजय ठाकुर को किया सम्मानित कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल धुसाड़ा के नन्हे विद्यार्थीयों का एक दल शानिवार को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर, जोकि आजकल ऊना में बतौर डीएसपी कार्यारत हैं, से उनके कार्यलय में जाकर मुलाकात की। बच्चों ने अजय ठाकुर को हिमाचली टोपी पहनाकर व गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने जहां अजय ठाकुर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाम हासिल करने के लिए बधाई दी, वहीं उनकी सफलता से संबंधित सवाल भी पूछे। अजय ठाकुर ने भी इन बच्चों को निराश नहीं किया और जीवन में सफलता हासिल करने के टिप्स दिए। इन बच्चों में अजय ठाकुर से मुलाकात के बाद अत्याधिक उत्साह देखने को मिला। धुसाडा कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थी व स्टाफ से ज्योति, अदिति व सुगंधि उपस्थित रहे।
सोलन में जिला न्यायालय परिसर में आयोजित जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में बीएएलएलबी और एलएलबी कार्यक्रमों के शूलिनी विश्वविद्यालय के छात्रों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य छात्रों को विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए लोक अदालतों में अपनाई जाने वाली पद्धतियों और तकनीकों से परिचित कराना था। विनीत कुमार सहायक प्रोफेसर, शूलिनी विश्वविद्यालय के कानूनी विज्ञान संकाय में सहायक प्रोफेसर और डॉ. कुसुम वर्मा छात्रों ने छात्रों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला और सत्र न्यायाधीश, और न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम या द्वितीय श्रेणी के न्यायालय में कार्यवाही देखने का सौभाग्य मिला। छात्रों ने कानूनी सेवा प्राधिकरण अधिनियम के तहत स्थापित इसकी वैधानिक स्थिति के साथ वैकल्पिक विवाद निवारण तंत्र के रूप में लोक अदालत की भूमिका में मूल्यवान अंतर्दृष्टि प्राप्त की। इस दौरे ने छात्रों को तलाक, संविदात्मक विवादों, सेवा मामलों और समझौता योग्य आपराधिक मामलों सहित विभिन्न मामलों से संबंधित लोक अदालत की कार्यवाही देखने का अवसर प्रदान किया। डॉ. नंदन शर्मा एसोसिएट डील फैकल्टी ऑफ लीगल साइंसेज ने कहा, इस पहल ने न केवल छात्रों के व्यावहारिक ज्ञान को व्यापक बनाया बल्कि कानूनी परिदृश्य में वैकल्पिक विवाद समाधान के महत्व को भी मजबूत किया।
-समारोह में पूर्व कर्मचारी एवं कामगार कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष मनकोटिया रहे मुख्य अतिथि लेक व्यू मॉडल हाई स्कूल नंगल चौक में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व कर्मचारी एवं कामगार कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने शिरकत की, जबकि लोक निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता एमआर दरोच विशेष अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना व दीप प्रज्वलित करके की गई। इसमें बच्चों ने समारोह के दौरान कई रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। वहीं, स्कूल के मुख्य अध्यापक वरिंदर सिंह ने स्कूल की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया सत्र 22- 23 में 10वीं परीक्षा का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। मुख्य अतिथि ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने व श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों, सौम्या कौशल, कृतिका, परिणीति, आयुष, अक्षिता, अश्मि, कनिका, कनक, अनन्या, अक्षित ठाकुर, कृतिका, मानवी, शौर्य, अक्षत, अभिनव, रूद्र, रियांश, परिवेश, शनायाको पुरस्कृत किया। स्कूल के प्रबंधक सेवानिवृत्त हेड मास्टर गुरदास राम ने स्कूल में आए सभी अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने बच्चों को कड़ी मेहनत कर जीवन की चुनौतियों का सामना करने की सीख दी और बच्चों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवां परागपुर कुशल सपेहिया, ब्लॉक महिला अध्यक्ष अनुराधा सपेहिया, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष शुभम नांगला, डाडासीबा पंचायत प्रधान परमेश्वरी दास, एसएमसी प्रधान रतन चंद कौंडल, पूर्व प्रधान धर्मचंद, व्यापार मंडल डाडासीबा के प्रधान राजिंदर सिंह गोगा, रंजीत परमार व निधि कंवर सहित अभिभावक उपस्थित रहे।
- कॉलेज में हुआ वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय महाविद्यालय देहरा में आज वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्यातिथि प्रो. करण सिंह पठानिया ने शिरकत की। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. रवींद्र सिंह गिल द्वारा मुख्यातिथि का भव्य स्वागत किया गया। वहीं, मुख्यातिथि द्वारा विद्यार्थियों को खेल भावना की शपथ दिलवाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। विद्यार्थियों के लिए 100 व 200 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉट पुट तथा विद्यार्थियों के मनोरंजन के लिए नींबू दौड़, मटका फोड़ प्रतियोगिता, रस्साकशी, तीन पैरों पर दौड़ तथा कुर्सी दौड़ आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मंच संचालक का कार्यभार प्रो. शिवानी गुप्ता ने निभाया। इस प्रतियोगिता में 100 और 200 मीटर में श्रुति प्रथम, साक्षी और शिखा द्वितीय, तृतीय स्थान पर साक्षी और शिखा रहीं। ऊंची और लंबी कूद में सेजेल और श्रुति प्रथम, श्रुति द्वितीय तथा कशिश तृतीय स्थान पर रही। गोला फेंक में सुमित और रिया प्रथम, द्वितीय ममता और प्रियानशू द्वितीय तथा ईशा और यश तृतीय स्थान पर रहे। सर्वश्रेष्ठ धावक और धाविका यश और श्रुति को घोषित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक व अन्य सदस्य मौजूद रहे।
-सर्वश्रेष्ठ साहसिक पर्यटन गंतव्य और इको पर्यटन गंतव्य बना हिमाचल -प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने हासिल किए पुरस्कार -मुख्यमंत्री ने हिमाचल में पर्यटन क्षेत्र में उदारतापूर्वक निवेश का किया आह्वान हिमाचल प्रदेश ने शुक्रवार देर सायं नई दिल्ली में आयोजित आउटलुक ट्रैवलर अवॉर्ड्स-2023 समारोह में दो प्रतिष्ठित पुरस्कार जीते। इस समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किये। हिमाचल प्रदेश ने कांगड़ा जिले के बीड़-बिलिंग के लिए सर्वश्रेष्ठ साहसिक पर्यटक गंतव्य स्वर्ण श्रेणी और लाहौल-स्पीति जिले के स्पीति के लिए सर्वश्रेष्ठ इको-पर्यटन गंतव्य स्वर्ण श्रेणी में पुरस्कार जीते। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने यह पुरस्कार प्राप्त किए। मुख्यमंत्री सुक्खू ने निवेशकों से हिमाचल में पर्यटन क्षेत्र में उदारतापूर्वक निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन परियोजनओं को शीघ्र स्वीकृति की सुविधा प्रदान करेगी। हिमाचल सभी मौसमों के लिए उपयुक्त पर्यटन गंतव्य है। यहां की घाटियां, बर्फ से ढकी घाटियां, हरा-भरा वन क्षेत्र, जल निकाय और शानदार होम-स्टे पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटकों के यात्रा अनुभव को और शानदार बनाने के लिए प्रयासरत है और इसके लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। ठहरने के लिए शानदार होम-स्टे भी विकसित किए जाएंगे जिससे पर्यटक नजदीक से यहां के जन-जीवन व वादियों को निहार सकेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नए पर्यटन गंतव्यों को विकसित कर, पर्यटन अधोसंरचना का सुदृढ़ीकरण कर रही है। पर्यटकों को अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान कर रही है ताकि वे अधिक अवधि तक यहां समय बिताएं और प्रदेश की आर्थिकी में वृद्धि हो। प्रदेश में हवाई सेवा में सुधार के दृष्टिगत कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के साथ-साथ सभी जिला मुख्यालयों में हेलीपोर्ट निर्मित्त किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार प्रतिवर्ष लगभग 5 करोड़ पर्यटकों का आगमन सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है और राज्य सरकार कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार कांगड़ा घाटी में पर्यटक अधोसंरचना विकसित करने के लिए लगभग 3000 करोड़ रुपये व्यय करेगी। वन्य जीव पर्यटन में रुचि रखने वाले पर्यटकों को प्रोत्साहित करने के लिए कांगड़ा जिला में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का चिड़ियाघर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल धार्मिक पर्यटन का मुख्य केंद्र है, प्रदेश प्रसिद्ध शक्तिपीठों की भूमि है और शीघ्र ही प्रदेश आध्यात्मिक पर्यटन का मुख्य केंद्र बन कर उभरेगा। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में ईको-टूरिज्म को भी बड़े पैमाने पर विकसित करने पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मार्च, 2026 तक हिमाचल को देश के हरित राज्य के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है और राज्य में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए अभिनव कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए सौर ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन, नवीकरण ऊर्जा के अन्य स्रोतों के दोहन पर बल दे रही है। प्रदेश सरकार डीजल वाहनों के स्थान पर इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा प्रदान कर रही है। आउटलुक ट्रैवलर की प्रकाशक मीनाक्षी मेहता ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर आउटलुक ग्रुप के सीईओ इंद्रनील राय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। विभिन्न पुरस्कार विजेता राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद-सत्र आयोजित किए गए। इस अवसर पर गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खौंटे, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, मुख्यमंत्री के ओएसडी केएस बांशटू, पत्रिका की संपादक आनंदिता घोष और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
न्यायालय ने मामले में 3 जनवरी, 2024 तक मांगा जवाब सुबाथू कॉलेज में पढ़ने वाले 150 विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है। हिमाचल उच्च न्यायालय ने कॉलेज के सरकारी अधिग्रहण की अधिसूचना रद्द करने के सरकार के फैसले पर रोक लगा दी है। न्यायालय ने इस मामले में 3 जनवरी, 2024 तक जवाब मांगा है। मामले में कॉलेज के छात्र-अभिभावक एसोसिएशन ने एक याचिका उच्च न्यायालय में दायर की थी। उच्च न्यायालय में तर्क दिया गया कि कॉलेज में करीब 150 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जिसमें 90 से 95 लड़कियां हैं। इनमें ज्यादातर विद्यार्थी अनुसूचित जनजाति के हैं। अब छात्रों की परीक्षाओं का समय है। ऐसे में इस तरह से कॉलेज की अधिसूचना रद्द करना सही नहीं है। उधर, सुबाथू कॉलेज के पूर्व सचिव मनीष गुप्ता ने कहा कि उच्च न्यायालय ने सुबाथू कॉलेज के सरकारी अधिग्रहण की अधिसूचना रद्द करने के मामले में रोक लगा दी है। इससे छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है। वहीं, कॉलेज प्रधानाचार्य ने कहा कि जैसे ही उनके पास आदेश पहुंचेंगे, वे कक्षाएं शुरू कर देंगे।
हिमाचल में क्रिप्टो करेंसी फ्रॉड में अब तक 19 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपी अंतरिम जमानत के लिए हाईकोर्ट के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी जमानत रद्द हो रही है। वहीं, एसआईटी ने अब कई अधिकारियों, कर्मचारियों और कारोबारियों के खिलाफ भी जांच शुरू कर दी है। एसआईटी ने इस मामले से जुड़े ढाई लाख आईडी का रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिया है। दस अधिकारी और कर्मचारी ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति दो करोड़ रुपये से ज्यादा है। एसआईटी ने राजस्व विभाग और बैंकों से इनकी डिटेल मांगी गई है। आरोप तय होने पर इनकी संपत्तियां भी जब्त की जा सकती हैं। बता दें कि 2,500 करोड़ रुपये के इस घोटाले के मुख्य आरोपी सुभाष, हेमराज, अभिषेक और सुखदेव की संपत्तियां जब्त कर ली गई हैं।
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की देहरा शाखा की बैठक हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग रेस्ट हाउस देहरा में हुई, जिसमें जिला प्रधान विजय नाग विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ धर्मशाला ब्लॉक के प्रधान मंजीत कुमार हैप्पी, जिला प्रेस सचिब सुभाष और सलाहकार बलदेव और देहरा ब्लॉक के प्रधान अमित कौशल भी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें मुख्यत: 11 दिसंबर को धर्मशाला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का स्वागत करने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में विजय अशरफ को जिला का वरिष्ठ उप प्रधान नियुक्त किया गया।
प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश पर हिमाचल प्रदेश में लड़कियों के विवाह योग्य आयु बढ़ाने के दृष्टिगत विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि सचिव सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता एम. सुधा देवी कमेटी की अध्यक्ष होंगी। सचिव ग्रामीण विकास प्रियतु मंडल, सचिव विधि शरद कुमार लगवाल, निदेशक श्रम एवं रोजगार मानसी सहाय ठाकुर और द ट्रिब्यून की ब्यूरो चीफ प्रतिभा चौहान कमेटी की सदस्य तथा मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन प्रियंका वर्मा, सदस्य सचिव होंगी।
-रोगी कल्याण समिति की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण फैसले -मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने की बैठक की अध्यक्षता आईजीएमसी शिमला में आज रोगी कल्याण समिति की जनरल बॉडी की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने की। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और रोगी कल्याण समिति के माध्यम से आईजीएमसी शिमला में मरीजों की डाइट व अन्य सुविधाओं के चार्जेज को नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बैठक के बाद पत्रकारों को जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रोगी कल्याण समिति का लक्ष्य रहता है की अस्पताल में आए मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसलिए आज हुई बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा कर समिति के तहत किसी भी प्रकार के चार्जेज को नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। बैठक में मरीजों की सुविधा के लिए अन्य कई निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि समिति के तहत मरीजों के लिए डाइट पर 2 करोड़ 50 लाख रुपये सालाना खर्च किए जाएंगे। अस्पताल में कर्मचारियों के कमरे भी रेनोवेट किए जाएंगे। साफ़ सफाई के लिए बहुत ही अच्छा स्टैंडर्ड शुरू किया जाएगा। अस्पताल में लैब्स की सुविधा को लोगों की सहूलियत के अनुसार और सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अलावा अस्पताल में एक नई डिजिटल एक्स-रे मशीन को भी लगाया जाएगा। वहीं, किडनी ट्रांसप्लांट और लीवर ट्रांसप्लांट की सुविधा को लेकर भी सरकार प्रयास कर रही है।
हिमाचल प्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा का शहरी चरण 9 दिसंबर से राजधानी शिमला से प्रारंभ हो रहा है। अगले चार दिनों तक यह यात्रा शिमला के सभी वार्ड्स के पास से गुजरेगी। उद्घाटन कार्यक्रम भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान के मैदान में प्रात: 10:30 बजे से होगा।इसमें केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देने वाली फिल्में दिखाई जाएंगी। कार्यक्रम स्थल पर ही स्वास्थ्य कैंप लगाए जाएंगे, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड बनाए जाएंगे एवं बैंक बचत खाते भी खोले जाएंगे। 15 नवंबर से शुरू हुई विकसित भारत संकल्प यात्रा देशभर की ग्राम पंचायतों से होकर गुजर रही है जहां लोगों को केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया जा रहा है साथ ही जिन्हें अभी तक इन योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया, उन्हें उनके गांव में ही इन योजनाओं के लिये पंजीकृत किया जा रहा है। शहरी चरण में भी यह यात्रा हिमाचल प्रदेश के सभी 64 नगर निकायों से होकर गुजरेगी एवं लोगों की केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देगी।
शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री रोहित ठाकुर कल सोलन जिला के प्रवास पर आ रहे हैं। वे सायं 5 बजे सोलन के परवाणू की डीएवी पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परवाणू में आयोजित 'स्पीट्रा फेस्ट' में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह 10 दिसंबर को सोलन के प्रवास पर आ रहे हैं। वे दोपहर बाद 2 बजे सोलन के कुमारहट्टी स्थित राजा वीरभद्र सिंह मल्टीपर्पज हॉल में आयोजित किए जा रहे 45वें ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड बैडमिंटन टूर्नामेंट के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल कल प्रात: 11.00 बजे डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के 12वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कल सोलन के प्रवास पर आ रहे हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रात: 11.10 बजे डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के 12वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल भी उपस्थित रहेंगे।
-कहा, बिजली उपभोक्ताओं को अधिक सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता -प्रतियोगिता में 14 इकाइयों के 100 खिलाड़ी ले रहे भाग मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने आज सोलन ज़िला के कुमारहट्टी में तीन दिवसीय 45वें ऑल इंडिया इलैक्ट्रीसिटी स्पोर्टस कंट्रोल बोर्ड बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। मुख्य संसदीय सचिव ने इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड को ऑल इंडिया स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड बैडमिटन प्रतियोगिता के आयोजन की बधाई देते हुए कहा कि सरकारी कार्य के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताएं कर्मचारियों को और अधिक सक्षम एवं तनावमुक्त रखती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा निरन्तर कार्य किया जा रहा है। हमीरपुर में विद्युत बोर्ड के मुख्य अभियन्ता का कार्यालय खोला जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं को व्यापक स्तर पर लाभ होगा। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल में 74,817 नए उपभोक्ताओं को विद्युत कनेक्शन दिए गए हैं। 52.334 एमवीए के 588 नए वितरण ट्रांसफार्मर स्थापित गए हैं। 2.48 किलोमीटर ई.एच.वी., 326.934 किलोमीटर एचटी लाईन, 676.283 किलोमीटर एल.टी. लाइन बिछाई गई है और एक 33 केवी का सब स्टेशन भी स्थापित किया गया है। सीपीएस ने कहा कि उपभोक्ताओं को बिजली बोर्ड की विभिन्न सेवाएं प्रदान करने के लिए पोर्टल विकसित किया गया है। पोर्टल के माध्यम से सेवा कनेक्शन, बिजली उपलब्धता प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करना, डीजी सेट के लिए एन.ओ.सी का आवेदन, बिल भुगतान, शिकायत दर्ज करना आदि सुविधाएं सुलभ हुई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य को हरित राज्य बनाने के उद्देश्य से विद्युत बोर्ड इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों को बिजली आपूर्ति प्रदान करने के लिए परिवहन विभाग तथा विभिन्न तेल कंपनियों के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं को अधिक से अधिक सुविधा प्रदान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में 14 इकाइयों के लगभग 100 खिलाड़ियों सहित 60 प्रबंधन के सदस्य भी भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के कर्मचारियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चौहान, एचपीएसईबीएलएसओ के निदेशक परिचालन मनोज उप्रेती, एचपीएसईबीएलएसओ महासचिव राकेश कुमार, अधीक्षण अभियंता हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड सोलन विनोद वर्मा, अधीक्षण अभियन्ता हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड नाहन दर्शन कुमार सहित विद्युत बोर्ड के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि हिमाचल सरकार अपनी सभी गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी। शुक्रवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के रैत में व्यवस्था परिवर्तन का एक साल कार्यक्रम को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए राजस्व मंत्री ने कहा कि सरकार बनते ही पहली गारंटी बजट में एक हजार करोड़ रुपये का प्रावधान कर एक लाख 30 हजार कर्मचारियों को पेंशन देकर पूरी की है। उन्होंने बताया कि सरकार रोजगार की गारंटी को भी पूरा करने की दिशा में कारगर कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में हजारों पद भरे जा रहे हैं, इसके लिए चयन प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश में भारी आपदा आई है, लेकिन वर्तमान सरकार ने अपने संसाधनों से 4500 करोड़ का आपदा राहत पैकेज जारी कर आपदा प्रभावितों को राहत प्रदान करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनहितैषी सरकार है तथा व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त किया जा रहा है ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं दी जा सकें। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का एक साल का राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कांगड़ा जिला में आयोजित किया जा रहा है इसमें प्रदेश भर से तीस हजार से भी ज्यादा लोग शमिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि धर्मशाला में आयोजित होने वाली व्यवस्था परिवर्तन के एक साल के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शाहपुर विस क्षेत्र से हर पंचायत तथा हर गांव से युवा, महिलाएं तथा अन्य नागरिक बढ़चढ़ कर भाग लेंगे इस के लिए पंचायत स्तर तक कमेटियां गठित की गई हैं जो लोगों के व्यवस्थित तरीके से आने जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में आयोजित होने वाला कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। इस अवसर पर उप मंडलधिकारी करतार चंद, तहसीलदार राकेश कुमार,खंड विकास अधिकारी कंवर सिंह वरिष्ठ कांग्रेस नेता देवदत्त शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, कांग्रेस नेता ओंकार सिंह राणा, ठाकुर बरयाम सिंह,ठाकुर गबर्धन सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नीना ठाकुर, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुशील शर्मा,नरेश विधान रिटायर कृषि विभाग, मास्टर बंसी लाल, मेघराज शर्मा, कैप्टन बली राम एसटी प्रकोष्ठ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, मदन राणा, अनूप सिंह बलोरिया, अश्वनी चौधरी पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, कैप्टन निर्मल भंद्राल पूर्व सैनिक सेल ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, सुभाष चंद एससी प्रकोष्ठ अध्यक्ष, प्रभात चंद एससी प्रकोष्ठ महासचिव, रीना पठानिया, नम्रता चंबियाल, सूबेदार उत्तम सिंह चंबियाल, विक्रम राणा कांग्रेस सेवादल जिला यूथ ब्रिगेड अध्यक्ष, आयुष भानु पठानिया एनएसयूआई कैम्प्स अध्यक्ष, दिव्यांश कटोच,सुषमा देवी, जानवी महाजन, संजू देवीप्रधान,चंगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजन सिंह, शशिपाल शर्मा धार कंडी कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, डॉक्टर यशपाल शर्मा, पूर्व उप प्रधान सुदर्शन कटोच, लाल सिंह पूर्व प्रधान ओमप्रकाश गुलेरिया, विक्रम राणा, जन्म सिंह ,सुमन मेहरा लंज कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आदि गणमान्य सम्मानित कांग्रेस जन मोजूद रहे।
शूलिनी विश्वविद्यालय ने परिसर में बदलाव लाने वाले समर्पित स्वयंसेवकों को सम्मानित करने क लिए अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवक दिवस मनाया। इस कार्यक्रम ने स्वयंसेवकों की एक विविध सभा को एक साथ लाया, जिससे उनके महान प्रयासों के गहन प्रभाव पर साझा अनुभवों और प्रतिबिंबों के लिए एक मंच तैयार हुआ। जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से छात्र स्वयंसेवा के माध्यम से विकास और प्रगति की व्यक्तिगत कहानियाँ साझा करने के लिए एकत्र हुए। इस अवसर पर इस बात पर प्रकाश डाला गया कि कैसे स्वयंसेवा जीवन कौशल में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करती है। प्रशंसा के प्रतीक के रूप में, स्वयंसेवकों को उनकी विभिन्न गतिविधियों के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जो परिसर और उसके बाहर सकारात्मक प्रभाव डालने के लिए उनके समर्पण और प्रतिबद्धता को स्वीकार करते हैं। उत्साहित प्राप्तकर्ताओं में यूवीकैन के स्वयंसेवक भी शामिल थे, जिन्हें स्टार खिलाड़ी युवराज सिंह द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र प्राप्त हुए थे। छात्र कल्याण अधिष्ठाता पूनम नंदा ने स्वयंसेवकों के जीवंत समुदाय के प्रति अत्यधिक गर्व और आभार व्यक्त किया। नंदा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवक दिवस हमें अपने छात्रों के निस्वार्थ योगदान को पहचानने और उसका जश्न मनाने का अवसर प्रदान करता है। स्वयंसेवा केवल एक सेवा नहीं है; यह व्यक्तिगत वृद्धि और विकास की यात्रा है।
हिमाचल प्रदेश लैब एसोसिएशन ने आज शिमला में अध्यक्ष कंवर सिंह तंगलाइक के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2.5 लाख रुपये का चेक भेंट किया। शिक्षा मंत्री ने जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए एसोसिएशन का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के योगदान लोगों की मदद करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर एसोसिएशन ने शिक्षा मंत्री को अपनी मांगों से भी अवगत करवाया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और एसोसिएशन की सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।
शूलिनी विश्वविद्यालय ने हिमाचल उपभोक्ता संरक्षण परिषद (एचयूएसपी) और कंज्यूमर वॉयस के सहयोग से 'पैकेजित खाद्य पदार्थों के हानिकारक प्रभावों और पैक लेबल के माध्यम से स्वास्थ्य की सुरक्षा पर कार्यशाला' का आयोजन किया। कार्यशाला में छात्रों और संकाय सदस्यों की प्रभावशाली उपस्थिति देखी गई, सभी एक स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता में एकजुट हुए। चांसलर प्रोफेसर पीके खोसला ने समग्र स्वास्थ्य पर पैकेज्ड खाद्य पदार्थों के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाने की महत्वपूर्ण आवश्यकता पर जोर दिया। यह पहल एचयूएसपी की अपने प्रभावशाली अभियानों को हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक विस्तारित करने, भविष्य के प्रभावशाली और निर्णय निर्माताओं के रूप में छात्रों तक पहुंचने की प्रतिबद्धता का एक प्रमाण है। एचयूएसपी के अध्यक्ष जोगिंदर कंवर ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और जागरूकता फैलाने में सामूहिक प्रयासों के महत्व पर प्रकाश डाला। उनके संक्षिप्त परिचय ने एक आकर्षक और सूचनाप्रद कार्यशाला की रूपरेखा तैयार की। कंज्यूमर वॉयस, नीलांजना बोस ने इस विषय पर व्यापक परिचय दिया, जिससे बाद की चर्चाओं के लिए मंच तैयार हुआ। उपभोक्ता अधिकारों के प्रति उनकी विशेषज्ञता और प्रतिबद्धता स्पष्ट थी क्योंकि उन्होंने आज के तेजी से बदलते उपभोक्ता परिवेश में सूचित विकल्पों के महत्व को रेखांकित किया। प्रोफेसर रोहित गोयल शूलिनी विश्वविद्यालय ने असंसाधित खाद्य पदार्थों के गुणों और प्रसंस्कृत विकल्पों पर भरोसा करने के खतरों पर प्रकाश डाला। सृष्टि माथुर ने किसी के स्वास्थ्य की सुरक्षा के व्यावहारिक तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। शूलिनी विश्वविद्यालय के डीन अकादमिक डॉ नरिंदर वर्मा ने कार्यशाला की सफलता में उनके अमूल्य योगदान के लिए सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और वक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव दिया। प्रो. वर्मा ने भविष्य को आकार देने में शिक्षा जगत की भूमिका पर जोर दिया और युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक मूल्यों को स्थापित करने के सहयोगात्मक प्रयास की सराहना की।
दयानंद एग्लोवैदिक विद्यालय (डीएवी) किन्नौर व शिमला जिला के समस्त विद्यालयों के मध्य इंदिरा गांधी खेल परिसर शिमला में 5 व 6 दिसंबर को दो दिवसीय क्लस्टर लेवल शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जिला किन्नौर के डीएवी विद्यालय रिकांगपिओ की 9वीं कक्षा की छात्रा अर्निका सिंह ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इस अवसर पर डीएवी विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कुमार वर्मा ने अर्निका सिंह को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय में छात्रों को विभिन्न खेलों से जोड़ा जा रहा है तथा विद्यार्थी जिला तथा राज्य स्तर पर होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं। उन्होंने अर्निका सिंह के कोच महेश नेगी, बायूल शूटिंग कल्ब किन्नौर को भी उनके सराहनीय कार्य के लिए बधाई दी।
-निबंध लेखन में संजना एवं भाषण प्रतियोगिता में साइना कुमारी रही प्रथम कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में आज सड़क सुरक्षा क्लब के द्वारा भाषण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन सड़क सुरक्षा क्लब के सदस्य प्रोफेसर सचिन के द्वारा किया गया, जिसमें उन्होंने सर्वप्रथम सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। इस प्रतियोगिता में विभिन्न प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा भाषण व निबंध लेखन के माध्यम से सभी छात्रों को सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में अवगत करवाया। महाविद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं ने भी अपनी भागीदारी निभाई। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विभिन्न प्रतिभागियों ने भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में होने वाले विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं के ऊपर प्रकाश डाला व इसके कारण और प्रभावों पर भी चर्चा की। निबंध लेखन प्रतियोगिता में संजना कुमारी बीए द्वितीय वर्ष ने प्रथम स्थान, हिमांशु बीकॉम प्रथम वर्ष ने दूसरा स्थान तथा तनीषा बीए द्वितीय वर्ष ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा भाषण प्रतियोगिता में साइना कुमारी बीएससी द्वितीय वर्ष ने प्रथम स्थान, अंबिका बीए द्वितीय वर्ष ने दूसरा स्थान तथा अभिषेक बीए तृतीय वर्ष ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर प्रदीप कुमार कौंडल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ इस प्रकार की गतिविधियों में भाग लेना चाहिए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। इस कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा क्लब के संयोजक डॉ. खुशी राम भगत, प्रोफेसर अरविंद, प्रोफेसर सचिन व प्रोफेसर सरजनी मौजूद रहे व निर्णायक मंडल में प्रोफेसर अंशु व प्रोफेसर ललिता मौजूद रहे।
- बैठक में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी रहे मौजूद प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज दोपहर बाद 1 बजे अपने कार्यालय में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की मौजूदगी में जल शक्ति विभाग तथा पथ परिवहन निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उनके विभाग से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की तथा मौके पर ही कई मुद्दों को सुलझाया। पठानिया ने विशेषकर अपने निर्वाचन क्षेत्र तथा जिला चंबा के जल शक्ति विभाग तथा पथ परिवहन निगम से संबंधित लंबित पड़े कार्यों की समीक्षा की तथा उन्हें समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला चंबा सामरिक दृष्टि से हिमाचल प्रदेश का महत्वपूर्ण जिला है यहां शेष जिलों की तरह विकास में गति देना अनिवार्य है। पठानिया ने अधिकारियों से बैठक में उठाए मुद्दों को शीघ्रता से सुलझाने के लिए कहा तथा उप मुख्यमंत्री से स्वयं हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। इस बैठक में प्रधान सचिव जल शक्ति विभाग ओंकार शर्मा, जल शक्ति विभाग की प्रमुख अभियंता अंजु शर्मा तथा विभाग के अन्य कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बैठक में मौजूद पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर को विधानसभा अध्यक्ष ने भटियात तथा जिला चंबा में परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के दिशा-निर्देश दिए। गृह विभाग के अधिकारियों से भी की बैठक अपराह्न 3 बजे कुलदीप सिंह पठानिया ने अपने कार्यालय कक्ष में गृह विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर कई मुद्दों पर चर्चा की तथा उन्हें सुलझाने के दिशा निर्देश दिए। इस बैठक में गृह विभाग के सचिव अभिषेक जैन, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी)सतवंत अटवाल तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अभिषेक त्रिवेदी मौजूद थे।
-कोसरी स्कूल के बच्चों के लिए करवाई गई पेंटिंग प्रतियोगिता -एक शहीद कमांडो लायंस नायक विवेक कुमार युवा स्पोर्ट्स क्लब का गठन करने को डाला प्रस्ताव शहीद कमांडो लायंस नायक विवेक कुमार को उनकी तीसरी पुण्यतिथि पर उनकी माता आशा देवी, पिता रमेश चंद, पत्नी प्रियंका देवी व बेटे विवांश द्वारा श्रद्धांजलि दी गई। ग्राम पंचायत अप्पर ठेहडू के प्रधान विनोद कुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोसरी के प्रधानाचार्य-प्राध्यापकों व आयुर्वेदिक अस्पताल कोसरी के डॉक्टर्स, सहकारी सभा के सचिव एवं युवक मंडल प्रधान विनोद टंडन आदि ने भी उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोसरी के बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता करवाई गई और बच्चों को इनाम भी दिये गये। वहीं, एक शहीद कमांडो लायंस नायक विवेक कुमार युवा स्पोर्ट्स क्लब का गठन करने के लिए प्रस्ताव भी डाला गया। इस मौके पर अप्पर ठेहडू के प्रधान विनोद कुमार द्वारा युवाओं को देश एवं समाज सेवा करने के लिए प्रेरित किया गया और नशे से दूर रहने की अपील की गई। --------जयसिंहपुर से नरेंद्र डोगरा की रिपोर्ट
राजकीय उच्च विद्यालय खरड़हट्टी अपना वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह 9 दिसंबर को विद्यालय प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। मुख्याध्यापक मनोज ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम के मुख्यातिथि तारा चंद शर्मा समाजसेवी एवं संस्थापक शिवा स्टोन क्रशर होंगे। इसके अलावा रोशन लाल जगोता समाजसेवी एवं संस्थापक भगवती स्टोन क्रशर विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद होंगे। मुख्याध्यापक ने बताया कि इस मौके पर स्कूली बच्चों द्वारा कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथि द्वारा वर्ष भर की उपलब्धियों के लिए बच्चों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। विद्यालय द्वारा सभी अभिभावकों व अन्य लोगों को इस कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की गई है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी इंदौरा की बैठक ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दविंदर सिंह मनकोटिया की अध्यक्षता में विश्राम गृह कंदरोड़ी में संपन्न हुई, जिसमें स्थानीय विधायक मलेंद्र राजन व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया विशेष रूप से उपस्थित हुए। इस अवसर पर समस्त कांग्रेस कमेटी ने सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष होने पर 11 दिसंबर को धर्मशाला में होने वाली कांग्रेस की व्यवस्था रैली को सफल व ऐतिहासिक बनाने की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि आज प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में विकास के नए अध्याय लिखने की ओर निरंतर बढ़ रहा है। मलेंद्र राजन ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा ने प्रदेश को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है। प्रदेश की जनता ने भाजपा की नीतियों से तंग आकर ही प्रदेश को भाजपा मुक्त करके सुख की सांस ली है। विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश में आई विपदा पर भाजपा ने कोई भी मदद नहीं की और साफ मुंह फेर लिया। अब जनता का मोह भाजपा से पूरी तरह भंग हो चुका है। मलेंद्र राजन ने कहा की इंदौरा कांग्रेस द्वारा धर्मशाला में कांग्रेस की रैली को ऐतिहासिक बनाया जायेगा और प्रदेश मुख्यमंत्री इस रैली में बाढ़ पीड़ितों के लिए कई ऐतिहासिक घोषणाएं व राहत पैकेज घोषित करेंगे। आगामी लोकसभा चुनावों पर बोलते हुए मनमोहन कटौच ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस चारों सीटों पर भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी।
-कहा, धर्मशाला में होने जा रहा सरकार का कार्यक्रम विकास पर, न कि भाजपा की रैलियों की भांति जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया ने भाजपा पर हमला बोलने हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की व्यवस्था परिवर्तन की लहर में भाजपा नेता परेशानी के दौर से गुजर रहे हैं तथा वे सरकार पर तथ्यहीन बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने की नाकाम कोशिश में लगे हुए हैं। प्रेस को जारी एक बयान में कर्ण सिंह पठानिया ने कहा कि धर्मशाला में 11 दिसंबर को सरकार के एक साल के कार्यकाल पर होने जा रहे कार्यक्रम पर भी भाजपा नेता घटिया राजनीति करने से बाज नही आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आपदा के दौर के बाद भी कांग्रेस सरकार ने विकास कार्यों को रुकने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में होने वाला कार्यक्रम विकास व व्यवस्था परिवर्तन का जश्न है, न कि भाजपा की भांति वोट की राजनीति के मकसद से की जाने वाली रैली की तरह है। पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की घोषणा की है, जिसमें कांगड़ा के बनखंडी में 300 करोड़ की लगात से चिड़ियाघर का निर्माण, जिले में हेलीपोर्ट का निर्माण, शिमला से कांगड़ा तक मटौर सड़क को पूरी तरह से फोरलेन की मंजूरी, कांगड़ा जिले को टूरिज्म कैपिटल बनाने का ऐलान, कांगड़ा हवाई अडडा का विस्तारीकरण का कार्य भी जल्द शुरु कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा इसके अतिरिक्त कांगड़ा जिले में अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स के निर्माण की दिशा में भी सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। स्थानीय कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए पर्यटक ग्राम की स्थापना की घोषणा भी की गई है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त सरकार जिला कांगड़ा में पींग डेम में वाटर स्पोर्ट्स शिकारा, क्रूज याट इत्यादि की व्यवस्था की कर रही है, ताकि अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके। पर्यटन विकास हेरिटेज साइट के सौंदय करण, ईको टूरिज्म एवं पर्यटन सुविधाओं पर 113 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। कांगड़ा जिले को राज्य की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने को लेकर कांग्रेस सरकार धौलाधार के आधार शिविर टेंट सिटी के लिए एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार पर काम कर रही है केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय को प्रस्तावना लिए पर्याप्त भूमि और सड़क संपर्क सुनिश्चित किया जा रहा है, जिसमें सभी विलासिता और आराम के साथ 200 से अधिक शिविर होंगे। कर्ण सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कांगड़ा को घूरेलू व अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के पसदींदा पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
-सालाना 66.10 मिलियन यूनिट बिजली पैदा करेगा यह प्रोजेक्ट ऊना जिले के पेखूबेला में हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बहुत योगदान देगी और उम्मीद है कि आधारशिला रखने के दो महीने के भीतर इसे लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 2 दिसंबर को 32 मेगावाट की इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी और फरवरी, 2024 के पहले सप्ताह से पहले परियोजना को पूरा करने की समय सीमा तय की है। 59 हेक्टेयर में फैली इस परियोजना में 82,656 सौर मॉड्यूल हैं, जो 31 मार्च, 2026 तक हरित ऊर्जा केंद्र बनने की राज्य की प्रतिबद्धता में योगदान दे रहे हैं। व्यापक प्रभाव पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल न केवल राज्य की बिजली जरूरतों को पूरा करेगी, बल्कि कार्बन उत्सर्जन में भी उल्लेखनीय कमी लाएगी। 19 मई, 2023 को निर्माण कार्य अवॉर्ड किया गया, पेखुबेला सौर परियोजना सालाना 66.10 मिलियन यूनिट बिजली पैदा करेगी। उत्पन्न बिजली को रक्कड़-टाहलीवाल ट्रांसमिशन लाइन के 132 केवी डबल सर्किट लाइन-इन और लाइन-आउट के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा, जो 1.88 किमी की दूरी तय करेगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देते हुए सालाना 2532 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आने की उम्मीद है।
जिला पुलिस नूरपुर ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़कर पंजाब से चोरी किए तीन मोटरसाइकिलों को भी बरामद किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 दिसंबर को रोहित शर्मा पुत्र पवन शर्मा ने मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राजिंदर कुमार व विशाल को गिरफ्तार कर उसी दिन चोरी हुआ मोटरसाइकिल बरामद कर लिया था। आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई तो एक अन्य आरोपी कर्ण सिंह को 6 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया। तीनों से सख्ती से पूछताछ की गई, तो आरोपियों ने जाहिर किया कि उन्होंने पंजाब से भी तीन मोटरसाइकिल चोरी किए हैं। पंजाब से चोरी कर लाए तीनों मोटरसाइकिलों को 7 दिसंबर को धमेटा से बरामद कर लिया गया। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा पंजाब से चोरी किए गए तीन मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल चोर गिरोह के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
एचआरटीसी को घाटे से उबारने के लिए नए-नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसको देखते हुए परिवहन निगम अब प्रदेश से बाहरी राज्यों को जाने वाले यानी इंटरस्टेट रूटों का भी आकलन करेगा कि किन रूटों पर कमाई अधिक है और किन रूटों पर कम। जिन रूटों पर निगम को बहुत कम इनकम हो रही है, उन रूटों का आकलन कर निगम उक्त रूटों पर बसों के संचालन का समय सहित अन्य सुधार करेगा। इस संबंध में निगम प्रबंधन ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश जारी कर दिए हैं। एचआरटीसी द्वारा उन इंटरस्टेट रूटों का आकलन किया जाएगा, जिन रूटों से काफी कम इनकम हो रही है। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर के अनुसार निगम का घाटा कम करने के लिए घाटे में चल रहे इंटर स्टेट रूटों का आकलन करवाया जा रहा है। निगम प्रबंधन द्वारा ऐसे रूटों का पिछले एक साल का रिकॉर्ड खंगाला जाएगा। इसमें देखा जाएगा कि उक्त रूटों पर निगम को प्रति किलोमीटर कितना घाटा हो रहा है। माह की कितनी इनकम है। हर माह निगम को उक्त रूट से कितना घाटा हो रहा है। इसके साथ-साथ निगम प्रबंधन द्वारा घाटे की वजह का आकलन भी किया जाएगा।
-सभी जिला मुख्यालयों में पायलट आधार पर ट्रैफिक वालंटियर योजना शुरू प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में अब ट्रैफिक पुलिस के साथ ट्रैफिक वालंटियर भी ट्रैफिक कंट्रोल करते दिखाई देंगे। इसी कड़ी में प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने वीरवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में पायलट आधार पर ट्रैफिक वालंटियर योजना का शुभारंभ किया। राज्य में यातायात के बेहतर प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और जन जागरूकता के लिए इस योजना को शुरू किया गया है। यदि जिला मुख्यालयों में ट्रैफिक वलंटियर योजना सफलतापूर्वक संचालित होती है तो इसे राज्य के अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा। स्कीम के तहत राज्य में 18 वर्ष से अधिक आयु के स्वैच्छिक लोगों का एक समूह होगा, जो सेवा की भावना से यातायात प्रबंधन और जागरूकता में भाग लेगा और विभिन्न यातायात कार्यों को नि:शुल्क करने में योगदान देगा। स्वयंसेवकों का अनुरोध प्राप्त होने के बाद जिला एएसपी, डीएसपी मुख्यालय व एसडीपीओ उन्हें बातचीत के लिए बुलाएंगे और सत्यापन करेंगे। इसके बाद जिला एसपी की मंजूरी के बाद ट्रैफिक वालंटियर की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। ट्रैफिक जन जागरूकता के लिए योजना में लड़कियों व महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। जिला एसएसपी द्वारा रिफ्लैक्टिव सुरक्षा जैकेट, टोपी और आईडी कार्ड उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस पर प्रमुखता से ट्रैफिक वालंटियर लिखा होगा, ताकि आम जनता को उनकी पहचान ट्रैफिक पुलिस से अलग दिखे।
-नेहा ने फिगर स्केटिंग में गोल्ड और अंशुल ने स्पीड स्केटिंग में जीते सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल -स्कूल पहुंचने पर दोनों का फूलमालाएं पहनाकर किया गया भव्य स्वागत लखबीर सिंह/ऊना। हरियाणा के गुरुग्राम के एंबिएंस मॉल में 1 से 6 दिसंबर तक स्पेशल ओलंपिक भारत नेशनल एंड फिगर स्केटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस चैंपियनशिप में देश के सात राज्यों से करीब 50 एथलीट ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में हिमाचल से भी पांच खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें ऊना जिले के प्रेम आश्रम स्पेशल स्कूल के दो खिलाड़ियों नेहा कुमारी और अंशुल ने शानदार प्रदर्शन किया। नेहा कुमारी ने फिगर स्केटिंग में गोल्ड और अंशुल ने स्पीड स्केटिंग में सिल्वर एवं ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर अपने संस्थान, प्रदेश और माता-पिता का नाम रोशन किया। इन दोनों होनहार खिलाड़ियों के स्कूल पहुंचने पर स्कूल प्रबंधक नीलम, प्रिंसिपल संजना और स्टाफ ने फूलमालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया।
-पांच साथियों के साथ क्लस्टर बनाकर चार एकड़ में कर रहे खेती -खुद भी कमा रहे और 12 लोगों को भी दे रहे रोजगार प्रदेश के अधिकतर किसान-बागवान आज भी परंपरागत खेती कर रहे हैं जोकि सारा साल मौसम पर निर्भर रहते हैं। लेकिन मौसम की बदलती परिस्थितियों के बाद अब किसानों का रुझान आधुनिक तकनीक से खेती करने की ओर बढ़ा है। ऑफ सीजन सब्जियों की बाजार में बढ़ती मांग और अच्छे दाम मिलने पर अब ग्रीनहाउस और पॉलीहाउस जैसी तकनीक को अपनाकर किसान-बागवान बेमौसमी फल व सब्जियां उगाकर अच्छा उत्पादन व मुनाफा कमा रहे हैं। जिला कांगड़ा के इंदौरा ब्लॉक के इंदपुर से संबंध रखने वाले चेतन ठाकुर एक ऐसे ही बागवान हैं, जिन्होंने इस योजना से लाभ लेकर पॉलीहाउस लगाया, जिससे वह बेमौसमी सब्जियों का अच्छा उत्पादन कर आज लाखों रुपये की कमाई कर रहे हैं। चेतन ठाकुर ने होटल मैनेजमेंट की डिग्री लेने के बाद बड़े-बड़े होटलों में चार साल तक काम किया, लेकिन वह अपने प्रदेश में ही अपना कारोबार शुरू करने के साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार उपलब्ध करवाना चाहते थे। उनके पिता कृषि से सेवानिवृत्त हुए हैं, जिसके कारण शुरू से ही चेतन शर्मा की खेतबाड़ी में गहरी दिलचस्पी थी। अपने पिता से प्रेरणा लेकर उन्होंने कृषि क्षेत्र में ही अपना रोजगार शुरू करने का मन बनाया। कृषि तथा बागवानी विभाग से मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद चेतन ठाकुर ने एकीकृत बागवानी विकास मिशन से लाभ लेकर एक एकड़ जमीन पर पॉलीहाउस लगा कर सब्जियाँ उगाना शुरू की । उन्होंने क्षेत्र के अन्य किसानों को भी इस संरक्षित खेती से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। जिसके चलते आज चेतन ठाकुर पांच अन्य किसान साथियों के साथ क्लस्टर बना कर चार एकड़ एरिया में पॉलीहाउस में संरक्षित खेती कर रहे हैं। चेतन ठाकुर का कहना है कि बाकी किसान साथियों के साथ क्लस्टर बना कर काम करने से उन्हें सब्जियों को मंडियों तक पहुंचाने, बीज,खाद,उपकरण इत्यादि सामान लाने तथा ले जाने में पैसों की बचत के अलावा खेती में अपना-अपना अनुभव साझा करने में भी मदद मिलती है। विभाग से मिली 85 प्रतिशत सब्सिडी चेतन ठाकुर को पॉलीहाउस लगाने में बागवानी विभाग द्वारा 85 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की गई है। इसके अलावा सोलह हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में स्वचलित सिंचाई सुविधा लगाने पर 80 प्रतिशत, पॉवर टिलर पर 50 प्रतिशत,ग्रेडिंग मशीन पर 2 लाख 50 हजार, वाटर स्टोरेज टैंक पर 50 प्रतिशत तथा अन्य कृषि उपकरणों पर अनुदान प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सब्सिडी तथा प्रशिक्षण के बिना संरक्षित खेती करना अत्यंत मुश्किल काम है। इसके साथ ही हर पांच साल बाद पॉलीहाउस की शीट बदलने में भी सरकार द्वारा 80 प्रतिशत अनुदान दिया गया। पारंपरिक खेती की तुलना में कई गुना ज्यादा मुनाफा चेतन ठाकुर पॉलीहाउस में फरवरी से सितंबर माह तक खीरा तथा अगस्त से जून के सीजन में लाल-पीली शिमला मिर्च का उत्पादन करते हैं। वह सीजन में दो एकड़ जमीन से सोलह सौ क्विंटल खीरा तथा 2 एकड़ जमीन से 500-500 क्विंटल लाल व पीली शिमला मिर्च का उत्पादन करते हैं। इसके अलावा सर्दियों के मौसम में पॉलीहाउस के बीच की खाली जगह पर ब्रोकली तथा लैट्यूस(सलाद पत्ती)का उत्पादन करते हैं। युवाओं के लिए बने प्रेरणास्त्रोत आज चेतन ठाकुर तथा उनका प्रत्येक किसान साथी पॉलीहाउस में सब्जियां उगा कर सालाना कम से कम सात-सात लाख रुपये से अधिक का मुनाफा कमा रहे हैं जो पारंपरिक खेती की तुलना में कई गुना ज्यादा है। वह स्वावलंबी बनने के साथ बारह और स्थानीय लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करवा रहे हैं। चेतन ठाकुर अपने व्यवसाय के क्षेत्र को निकट भविष्य में व्यापक स्तर पर बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं। आज चेतन ठाकुर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गए हैं। पॉलीहाउस में खेती के फायदे पॉलीहाउस के अंदर का मौसम जैसे तापमान,नमी और यहां तक कीटों की उपस्थिति आदि किसान के नियंत्रण में रहती हैं, जिससे कीटनाशकों और उर्वरकों का उपयोग कम होने के साथ इसकी देखभाल करना भी आसान हो जाता है। पॉलीहाउस में उगाए गए फल, सब्जियां और पौधे ताजा रहते हैं जिससे मार्किट में इनके अच्छे दाम मिलते हैं। क्या कहते हैं बागवानी विभाग के उप निदेशक बागवानी विभाग के उप निदेशक डॉ. कमलशील नेगी का कहना है कि इस योजना के तहत राज्य सरकार किसानों को पॉलीहाउस लगाने के लिए 85 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान कर रही है। इसके अलावा सिंचाई सुविधा लगाने, पॉवर टिलर खरीदने, ग्रेडिंग मशीन की खरीद, वाटर स्टोरेज टैंक तथा अन्य कृषि उपकरणों पर 50 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी प्रदान कर रही है।
-13.55 किलोमीटर लंबाई, 13 स्टेशन और 3 लाइन्स -रोपवे के निर्माण पर 1555 करोड़ रुपये होंगे खर्च -उप मुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने पत्रकार वार्ता में दी जानकारी -बोले, अगले साल शुरू होगा निर्माण दुनिया का दूसरा सबसे लंबा और भारत का सबसे लंबा रोपवे शिमला में बनने जा रहा है। यह जानकारी उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज शिमला में एक पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि साउथ अमेरिका में जो रोपवे बना है, उसकी लंबाई 32 किलोमीटर है, जबकि शिमला में बनने जा रहे रोपवे की लंबाई 13.55 किलोमीटर है। इसमें 13 स्टेशन और 3 लाइन्स होंगी। हमारे देश में अब यह पहला रोपवे बनने जा रहा है, जिसकी सारी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। यह रोपवे इकोफ्रेंडली प्रोजेक्ट होगा। इसके निर्माण पर 1555 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका निर्माण टॉपेलमेयर, लाइटनर जैसी कंपनियां कर सकती हैं। तारा देवी से शुरू होकर पूरे शिमला शहर को करेगा कवर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह रोपवे तारा देवी से शुरू होकर सचिवालय, आईजीएमसी सहित पूरे शिमला को कवर करेगा। रोपवे के टिकट का दाम बस के टिकट के दामों के आसपास होगा। यूं तो इसे बनने में करीब 5 वर्ष लगेंगे, लेकिन 2 सालों के बाद ही इसका पहला चरण शुरू कर दिया जाएगा। 31 मार्च, 2024 को इसकी बीड्स करने के लिए सरकार प्रयासरत है। अक्तूबर महीने के आसपास इसका निर्माण कार्य शुरू हो सकता है। प्रोजेक्ट को परवाणू से जोड़ने की होगी कोशिश डिप्टी सीएम ने कहा कि दुुनिया का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट हिमाचल में लग जाए, इसके लिए कोशिश की जाएगी कि परवाणू से इस प्रोजेक्ट को जोड़ा जाए, जिसकी लागत 6800 करोड़ होगी। इस पर भी साथ-साथ कार्य किया जाएगा।
-उद्यान विभाग के सहयोग से 30 कनाल भूमि पर लगाए अमरूद के बागीचे -फल बेचकर आमदनी भी कमा रहे बागवान, उद्यान विभाग का जता रहे आभार सुमित राठौर। हमीरपुर जिले के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में बीड बगेहडा गांव में बंजर पड़ी 30 कनाल भूमि पर अमरूद के हजारों फलदार पौधे लहलहराने लगे और कुछ समय के बाद पेड़ों पर फल भी आने लगे, जिसे देखकर बागवानों के चेहरे खिल गए हैं। गांव के 6 प्रगतिशील बागवानों ने अपनी बंजर भूमि पर उद्यान विभाग के सहयोग से अमरूद के पौधे लगाए हैं। बागवान सोनू शर्मा ने बताया कि उद्यान विभाग के सहयोग से उन्होंने अपनी बंजर भूिम पर अमरूद का बागीचा लगाया, अब फल बेचने से उन्हें आमदनी भी हो रही है। वहीं, बागवान संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि उद्यान विभाग ने उन्हें खाली पड़ी भूमि पर अमरूद के पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया और उन्होंने बागीचा लगाया, जिसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। उधर, सुजानपुर उद्यान विभाग विकास अधिकारी डॉ. जीना वन्याल पाटिल ने बताया कि यह प्रोजेक्ट एमआईडीएच के तहत लगाया गया है। यहां एक हेक्टेयर भूमि में अमरूद की दो किस्में लगाई हैं। गांव के छह किसानों द्वारा यहां बागवानी कर आजीविका कमाई जा रही है। वहीं, उद्यान प्रसार अधिकारी अंकिता ने बताया कि किसानों को बागवानी करने के लिए सेमीनार के माध्यम से प्रेरित किया जा रहा है। पहले फसलों की बीजाई होती थी, जिससे फायदा नहीं होता था। उन्होंने बताया कि अमरूद के बागीचे लगाने के लिए किसानों को जागरूक करने के बाद अब इसके सार्थक परिणाम सामने आए हंै। उधर, उद्यान विभाग के जिला उप निदेशक राजेश्वर परमार ने बताया कि बीड बगेहडा गांव में अमरूद के पौधे लगाए गए हैं और अब उनमें दूसरे साल ही फल भी लगना शुरू हुआ है, जिससे आने वाले समय में किसानों की आर्थिकी में इजाफा होगा। उन्होंने बताया कि एचपी शिवा व एमआईडीएच के तहत बागवानों के द्वारा बढ़िया काम किया जा रहा है और इसके लिए उद्यान विभाग के द्वारा भी पूरा सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में बढ़िया फल का उत्पादन होने पर बागवानों को मुनाफा होगा।
हिमाचल की कांग्रेस सरकार अपनी चुनावी गारंटी के तहत अब पशुपालकों से 1 जनवरी से दो रुपये प्रति किलो की दर से गोबर खाद की खरीद शुरू करेगी। यह बात कृषि व पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने आज जवाली विधानसभा क्षेत्र के नगरोटा सूरियां में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि गोबर से जैविक खाद तैयार की जाएगी। खाद को सरकारी उपक्रम हिमफेड के माध्यम से किसानों को उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए इस खाद का उपयोग कृषि व बागवानी विभाग के फार्मों में भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बागवानी व सेब बाहुल्य क्षेत्रों में भी इस खाद की बिक्री कृषि व बागवानी विभाग के माध्यम से सुनिश्चित की जाएगी ताकि लोगों को जैविक खेती के लिए प्रेरित किया जा सके। ऊंची कीमतों पर खरीदी जाएंगी फसलें उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा जैविक खाद से फसल तैयार करने वाले किसानों को चिन्हित करने के साथ उनसे ऊंची कीमतों पर फसलों को खरीदा जाएगा। कृषि मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के वादे पर कार्य कर रही है, जिसके तहत सभी विभागों में भर्ती प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़कों के सुधार व बेहतर रखरखाव के लिए करोड़ों रुपये के बजट का प्रावधान करवाया गया है। उन्होंने बताया कि नगरोटा सुरियां में गज खड्ड पुल तथा सुखाहार नहर परियोजना के निर्माण के लिए भी जल्द राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। 11 दिसंबर को मनाया जाएगा एक वर्ष के कार्यकाल का जश्न कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार 11 दिसंबर को अपना एक वर्ष का सफल कार्यकाल पूरा करने जा रही है। इस वर्ष प्रदेश में घटित भयंकर आपदा के बावजूद प्रदेश सरकार ने अनेक जनहितैषी योजनाएं धरातल पर लागू करने के साथ प्रदेश हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सत्ता संभालने पर लोगों से पारदर्शी प्रशासन देने का जो वादा किया था उस पर प्रदेश सरकार खरा उतरी है। कृषि मंत्री ने इस अवसर पर जनसमस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए ताकि लोगों को सभी मूलभूत सुविधाएं घरद्वार के नजदीक उपलब्ध हो सकें।
'मेरा गांव मेरा देश एक सहारा' संस्था के द्वारा लेबर कॉलोनी में जाकर जरूरतमंद लोगों को गर्म कपड़े बांटे जा रहे हैं। संस्था के संचालक अनुराग गुप्ता व पुष्पा खंडूजा, नीरज बंसल के द्वारा लेबर कॉलोनी में जाकर जरूरतमंद बच्चों को जूते व कपड़े वितरित किए जा रहे हैं। संचालक पुष्पा खंडूजा का कहना है कि आजकल सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है तथा किसी के पास यदि गर्म कपड़े, जूते चप्पल, खिलौने बर्तन बिस्तर इत्यादि हैं, जिनका आप प्रयोग नहीं करते तो वे मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था के द्वारा संचालित खुशियों का बैंक माजरा में जमा करवा सकते हैं, जिससे कि यह सामान जरूरतमंद लोगों को दिया जा सके। संस्था के संचालक अनुराग गुप्ता ने बताया कि सर्दी का मौसम है अगर आप खुशियों के बैंक से जुड़े बच्चों के साथ खुशियां बांटना चाहते हैं तो मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था द्वारा संचालित खुशियों का बैंक में इन बच्चों के लिए गर्म कपड़े, खिलौने बर्तन व पढ़ाई का सामान आदि दे सकते हैं या संस्था के खाते में दान भी दे सकते हैं। मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था के द्वारा सरकारी स्कूलों के लगभग 20 बच्चों को भी सहारा दिया गया है तथा उनकी पढ़ाई लिखाई का सामान भी संस्था के द्वारा दिया जाता है संस्था के द्वारा इन बच्चों के स्कूल फीस, ड्रेस आदि भी जमा करवाई जाती है। वहीं संस्था के संचालकों का कहना है कि अगर आप इन बच्चों की मदद करना चाहते हैं तो मेरा गांव मेरे देश एक सहारा संस्था के साथ जुड़े तथा खुशियों का सहारा देकर इन बच्चों के साथ खुशियां बांटे।
-बोले, सभी जिलों में स्थापित होंगे हेलीपोर्ट पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि राज्य सरकार चाय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कारगर कदम उठाएगी इस के लिए आवश्यक कार्य योजना तैयार की जाएगी। वीरवार को कांगड़ा में अपने आवास पर लोगों की समस्याएं सुनने के उपरांत पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि हिमाचल में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। सरकार साहसिक धार्मिक एवं ईको-टूरिज़्म के विस्तार के लिए पर्यटन अधोसंरचना को विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि ज़िला कांगड़ा को हिमाचल की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए 3 हजार करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि सभी ज़िलों में हेलीपोर्ट स्थापित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही स्टार्ट-अप योजना के तहत राज्य में कृषि और मत्स्य पालन विभागों की एक एकीकृत परियोजना शुरू की जाएगी, जो इस क्षेत्र में राज्य के लोगों को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना के तहत स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए उन्हें सब्सिडी के रूप में 680 करोड़ रुपये प्रदान किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खु के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित कर रही है तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित निदान करने के लिए भी कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से लम्बित राजस्व मामलों की बड़ी संख्या पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कड़ा संज्ञान लेने के बाद प्रदेश में राजस्व लोक अदालतों का आयोजन किया जा रहा है तथा अब तक इंतकाल के लंबित कुल 45,055 मामलों का निपटारा किया जा चुका है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार, वर्षों से लम्बित राजस्व मामलों का निपटारा कर प्रदेश के आम लोगों की समस्याओं का हल करने के प्रयास कर रही है।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी का 12वां दीक्षांत समारोह 9 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति शिव प्रताप शुक्ल दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगे। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह विश्वविद्यालय के डॉ. एलएस नेगी सभागार में आयोजित होने वाले समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। इस कार्यक्रम में राज्य और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के कई गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे। दीक्षांत समारोह के दौरान औदयानिकी एवं वानिकी, बीटेक बायोटेक्नोलॉजी और एमबीए कार्यक्रमों में 658 स्नातक, और 565 स्नातकोत्तर और 88 डॉक्टरेट डिग्रियों सहित कुल 1,311 डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा, दीक्षांत समारोह के दौरान 23 स्वर्ण पदक और 773 मेरिट प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। सतलुज जल विद्युत निगम के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक नंद लाल शर्मा और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उप महानिदेशक (शिक्षा) डॉ. आरसी अग्रवाल को उनके संबंधित क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए दीक्षांत समारोह के दौरान मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान एक कौशल विकास छात्रावास और विवेकानंद योग और ध्यान केंद्र का भी उद्घाटन किया जाएगा।
मुख्य संसदीय सचिव (बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा, पर्यटन, वन तथा परिवहन) सुंदर सिंह ठाकुर 8 दिसंबर को सोलन के प्रवास पर आ रहे हैं। वे सुबह 10.30 बजे सोलन के कुमारहट्टी में 45वें ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड बैडमिंटन टूर्नामेंट के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्षद संजीव ठाकुर को प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा का महामंत्री चुना गया है। प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा महामंत्री बनने पर उन्होंने पूर्व विधायक रविंद्र रवि धीमान, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र राणा, ब्लॉक समिति चेयरमैन कुलवंत राणा के साथ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने संजीव ठाकुर को बधाई दी। पार्षद संजीव ठाकुर ने कहा कि सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर अहम जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जिससे वे अपने क्षेत्र में किसानों की समस्याओं का निराकरण और किसान हितैषी योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद कर सकें।
उद्योग व आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान अगले दो दिन पांवटा तथा शिलाई विधानसभा क्षेत्रों के प्रवास पर रहेंगे। वह 8 दिसंबर को सायंकाल विश्राम गृह शिलाई में जन समस्याएं सुनेंगे तथा वहीं पर रात्रि ठहराव होगा। अगले दिन 9 दिसंबर को उद्योग मंत्री दोपहर एक बजे पांवटा विश्राम गृह में लोगों की समस्याएं सुनेंगे तथा रात को वहीं पर रूकेंगे। वह 10 दिसंबर को पांवटा से धर्मशाला के लिये रवाना होंगे। उद्योग मंत्री के साथ उनके प्रवास के दौरान ब्लॉक व जिला कांग्रेस के पदाधिकारी तथा पंचायती राज संस्थानों के चुने हुए प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।


















































