सोलन नगर निगम में आज महापौर एवं उप महापौर का निर्वाचन हुआ। जानकारी देते हुए प्राधिकृत अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव ने कहा कि नगर निगम सोलन में महापौर पद के लिए आयोजित निर्वाचन में वार्ड नंबर 12 की ऊषा शर्मा को निर्वाचित घोषित किया गया। उन्हें 11 तथा अन्य उम्मीदवार सरदार सिंह ठाकुर को 6 मत प्राप्त हुए। वहीं, उप महापौर पद के लिए आयोजित निर्वाचन में वार्ड नंबर 13 की मीरा आंनद को निर्वाचित घोषित किया गया। उन्हें 12 तथा अन्य उम्मीदवार संगीता ठाकुर को 5 मत प्राप्त हुए। नवनिर्वाचित महापौर ऊषा शर्मा तथा उप महापौर मीरा आंनद को अजय यादव ने पद और गोपनीयता की शपथ भी दिलाई।
ठियोग की ग्राम पंचायत शटेया के हर्ष कंवर योगी को जगदम्बिका पाल नेशनल आइकॉन अवॉर्ड-2023 से दिल्ली के भारतीय कला केंद्र मंडी भवन में नवाजा गया। जगदम्बिका पाल उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री थे। हर्ष कंवर योगी को यह अवॉर्ड नई पहचान के साथ दिया गया। इस अवॉर्ड का शीर्षक आइकॉन ईयर ऑफ यंगेस्ट एंट्रीप्यूनर रहा। हिमाचल के युवा उद्यमी हर्ष कंवर योगी को योगा बॉय, छोटा रामदेव व अन्य नामों से जाने जाते हंै। हर्ष कंवर योगी गूगल अप्रूव योगा इंस्ट्रक्टर हैं। वे योगा में विश्व रिकॉर्ड धारक, इंटरनेशनल आइकॉन अवॉर्ड से भी सम्मानित हो चुके हैं। साथ में विभिन्न मंचों पर सम्मानित हो चुके हैं। हर्ष के नाम 25 अवॉर्ड हैं और इतनी कम उम्र में इतनी उपलब्धियां लेना यह भी किसी विश्व रिकॉर्ड से कम नहीं है। हर्ष इन सब उपलब्धियों का श्रेय अपनी माता नीना कंवर व पिता संजीव कंवर को देते हैं।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने प्रदेश एवं जिला वासियों से आग्रह किया है कि वह सशस्त्र सेना झंडा दिवस के उपलक्ष्य पर उदारतापूर्वक अंशदान करें। डॉ. शांडिल ने सभी को सशस्त्र सेना झंडा दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने कहा कि 7 दिसंबर को देश में सशस्त्र सेना झंडा दिवस आयोजित किया जाता है। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य उन वीर सैनिकों के प्रति सम्मान प्रकट करना है जिन्होंने अपना सर्वस्व देश की रक्षा के लिए न्यौछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि यह दिवस भारतीय सेना के रणबांकुरों, पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों के प्रति हमारे उत्तरदायित्व को स्मरण करवाने का दिवस भी है। उन्होंने कहा कि इस दिवस पर दिया गया अंशदान सैनिकों के प्रति हमारा सम्मान है। उन्होंने कहा कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर एकत्रित धनराशि पूर्व सैनिकों, युद्ध वीरांगनाओं एवं उनके आश्रितों के कल्याण पर व्यय की जाती है। डॉ. शांडिल ने कहा कि हिमाचल को वीरभूमि के नाम से जाना जाता है। प्रदेश के वीर सैनिक मातृभूमि की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहे हैं। प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को किसी समस्या का सामना ना करना पड़े। उप निदेशक सैनिक कल्याण कर्नल (सेवानिवृत) सुरेश कुमार अग्निहोत्री ने इस अवसर पर स्वास्थ्य मन्त्री को झण्डा 'पिनअपÓ किया। उन्होंने सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य अधिकारियों को भी झंडा 'पिनअपÓ कर सशस्त्र सेना झंडा दिवस का विधिवत शुभारंभ किया।
राजकीय महाविद्यालय करसोग की रोवर्स और रेंजर इकाई द्वारा भारत स्काउट एंड गाइड हिमाचल प्रदेश के 'प्रोजेक्ट निश्चय' के अंतर्गत चौथी गतिविधि को संपूर्ण किया गया। इस गतिविधि के अनुसार विद्यार्थियों को अपने महाविद्यालय के 1 किलोमीटर के रेडियस में नशे से संबंधित होने वाली गतिविधियों के स्थान का अवलोकन करना था, जिसके माध्यम से वह जान सके की युवा किस-किस प्रकार के मादक पदार्थ का सेवन कर रहे हैं। यह स्थान समाज के सामने आ सकें, ताकि ऐसे स्थान पर पुलिस व्यवस्था की भी पैनी नजर रहे। इस गतिविधि को संपूर्ण करने के लिए सर्वप्रथम महाविद्यालय परिसर में 12:30 पर बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें रोवर लीडर पंकज गुप्ता, प्रोफेसर हितेश कुमार, प्रोफेसर गौरव, प्रोफेसर अनुपमा शर्मा और प्रोफेसर पुष्पा उपस्थित रहे। सर्वप्रथम रोवर लीडर पंकज गुप्ता द्वारा विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट निश्चय की चौथी गतिविधि से अवगत करवाया गया। तत्पश्चात यूनिट के अध्यक्ष नीतीश द्वारा विद्यार्थियों को दो समूह में बांटकर प्रस्तावित, चिन्हित नशे से संबंधित स्थान के लिए रवाना किया गया। विद्यार्थियों ने पाया कि महाविद्यालय परिसर के बाहर 1 किलोमीटर के घेरे में बहुत से छिपाने वाले स्थान पर युवाओं या विद्यार्थियों या अन्य जनों द्वारा नशे से संबंधित खाली बोतले, रैपर्स, दवाइयां आदि विद्यार्थियों के समूह द्वारा देखी गई। इस गतिविधि के बाद विद्यार्थियों के दोनों समूहों ने आपसी वार्तालाप महाविद्यालय के अंदर की और अपने द्वारा हासिल की गई जानकारी अन्य विद्यार्थियों को भी साझा की। इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने समाज में खासकर युवाओं में फैल रहे नशे के जहर को समझा, और विद्यार्थियों ने प्रण लिया कि वह इस प्रकार की गतिविधियों को प्रशासन के सामने लाकर समाज को एक दिशा प्रदान करेंगे। इस कार्यक्रम में रोवर रेंजर इकाई के 56 विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों की इस गतिविधि को यूनिट रीडर के द्वारा सराहा गया और उन्हें समाज में फैल रहे नशे की चपेट से अपने साथियों, महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए कहा गया।
हर्बालाइफ इंडिया, एक प्रमुख वैश्विक स्वास्थ्य और कल्याण कंपनी, ने आज अपने ऑनलाइन एमबीए और बीबीए कार्यक्रमों के एक भाग के रूप में प्रत्यक्ष बिक्री के विषय को पेश करने के लिए शूलिनी विश्वविद्यालय के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता ज्ञापन हर्बालाइफ इंडिया के सहयोग से शूलिनी विश्वविद्यालय में शिक्षा में प्रत्यक्ष बिक्री के लिए उत्कृष्टता केंद्र (सीईडीएसए) के पुनर्गठन का प्रावधान करता है। दोनों संगठनो के बीच इस समझ के साथ, विश्वविद्यालय में एमबीए और बीबीए पाठ्यक्रम अब 'डायरेक्ट सेलिंग मैनेजमेंटÓ में विशेषज्ञता के साथ पढाई करेंगे। नए पुनर्गठित कार्यक्रम अगले शैक्षणिक सत्र 2023-2024 से शुरू होंगे। यह पाठ्यक्रम छात्रों को उद्योग में मौजूद कॉर्पोरेट और उद्यमशीलता के अवसरों से परिचित कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। शूलिनी यूनिवर्सिटी के सह संस्थापक और अध्यक्ष मार्केटिंग एंड इनोवेशन, आशीष खोसला ने कहा कि मुझे इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के माध्यम से शूलिनी यूनिवर्सिटी और हर्बालाइफ इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड इंडिया के बीच एक रणनीतिक साझेदारी की औपचारिक घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। यह सहयोग नवाचार, अनुसंधान और समग्र शिक्षा को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। हर्बालाइफ के साथ जुड़कर, हमारा लक्ष्य एक गतिशील मंच बनाना है जो अकादमिक विशेषज्ञता को उद्योग अंतर्दृष्टि के साथ जोड़ता है, जो समावेशी उद्यमिता, बिक्री, स्वास्थ्य और कल्याण के क्षेत्र में वृद्धि और विकास के अद्वितीय अवसरों के लिए दिशानिर्देश प्रदान करता है। हर्बालाइफ इंडिया के एसवीपी और एमडी, अजय खन्ना ने सहयोग पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हमें शूलिनी यूनिवर्सिटी के साथ अपने सहयोग की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। एमओयू पर हस्ताक्षर प्रत्यक्ष बिक्री उद्योग की गहरी समझ को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। भारत में उद्योग का तेजी से विस्तार हो रहा है, जहां देश वैश्विक स्तर पर 11वें स्थान पर पहुंच गया है। इसलिए, एमबीए पाठ्यक्रम में डायरेक्ट सेलिंग के लिए समर्पित एक संरचित कार्यक्रम की मांग समय की मांग है। यह रणनीतिक गठबंधन न केवल छात्रों को इस गतिशील उद्योग में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए आवश्यक कौशल और अंतर्दृष्टि से लैस करेगा बल्कि भारत में प्रत्यक्ष बिक्री क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर भी ले जाएगा। पिछले साल वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ डायरेक्ट सेलिंग एसोसिएशन (डब्ल्यूएफडीएसए) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, डायरेक्ट सेलिंग की वैश्विक रैंकिंग में भारत वर्तमान में 11वें स्थान पर पहुंच गया है। यह उद्योग लगभग छह मिलियन लोगों को रोजगार देता है, जिसमें पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों के बावजूद, यह क्षेत्र युवाओं के लिए करियर विकल्पों और महिलाओं सहित टियर 2 और 3 शहरों के व्यक्तियों को रोजगार देने के साथ लचीला बनकर उभरा है। बड़े सहयोग के हिस्से के रूप में, शूलिनी यूनिवर्सिटी हर्बालाइफ इंडिया के साथ डायरेक्ट सेलिंग को अपने पाठ्यक्रम में एक आशाजनक विषय के रूप में पेश करने के इच्छुक शैक्षणिक संगठनों को शिक्षण मॉड्यूल प्रदान और सुविधा प्रदान करेगी। डायरेक्ट सेलिंग उद्योग पेशेवरों को पूर्णकालिक कैरियर विकास और उद्यमिता को आगे बढ़ाने का मौका प्रदान करता है। विकास के लिए कौशल वृद्धि अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह पेशेवरों को उनकी नेतृत्व और बिक्री क्षमताओं को निखारने में मदद करती है। इस सहयोग का उद्देश्य भारत में रोजगार, आर्थिक विकास और उद्यमिता के उत्प्रेरक के रूप में डायरेक्ट सेलिंग उद्योग को बढ़ावा देना है।
-कहा, अन्य राज्यों के चुनाव परिणामों से विचलित होने की जरूरत नहीं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हमें अन्य राज्यों में हुए चुनाव परिणामों से विचलित होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन भी बहुत मजबूत है और प्रदेश सरकार भी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूर्व भाजपा के कार्यकाल में कांग्रेस में मंडी संसदीय सीट के साथ-साथ तीन विधानसभा उप चुनावों में शानदार जीत हासिल की थी। उसके बाद पिछले साल कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों में शानदार जीत हासिल कर भाजपा को सत्ता से बाहर किया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं और उन्हीं के दम पर कोई भी दल सत्ता में आता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान मिले, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को भारी आपदा का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अकेले लोक निर्माण विभाग को 5000 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने संसाधनों से राहत व पुनर्निर्माण कार्यों को कर रही है। विक्रमादित्य सिंह ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिये योजनाबद्ध ढंग से फील्ड में उतरने व भाजपा के दुष्प्रचार का मुंह तोड़ जवाब देने को कहा। प्रतिभा ने 11 दिसंबर के समारोह को ऐतिहासिक बनाने का किया आह्वान आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित जिला व ब्लॉक अध्यक्षों की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी के जिलाध्यक्षों व ब्लॉक अध्यक्षों से कांग्रेस सरकार के एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर धर्मशाला में 11 दिसंबर के समारोह को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश सरकार का एक साल का यह कार्यकाल भले ही चुनौतियों भरा रहा है पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार ने इन चुनौतियों पर सफलतापूर्वक पार पाया है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन बहाल कर अपनी पहली गारंटी पूरी कर दी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में भी सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कहती है उसे पूरा करती है। कांग्रेस सरकार अपनी सभी गारंटियों को चरणबद्ध ढंग से पूरा करेगी। सरकार अपनी नई सोच के साथ आगे बढ़ रही : रजनीश किमटा वहीं, प्रदेश कांग्रेस महासचिव संगठन रजनीश किमटा ने कहा कि 11 दिसंबर को धर्मशाला में होने वाले समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारियों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार का एक साल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में उल्लेखनीय रहा है। सरकार अपनी नई सोच के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस नेतृत्व व सरकार बहुत ही मजबूत है और मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर कार्य करने का आग्रह करते हुए कहा कि सभी ब्लॉक अध्यक्ष अपनी अपनी बूथ कमेटियों की सूची प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को भेजे। इसके अतिरिक्त सभी ब्लॉकों में पार्टी के जर्नल हाउस,आम सभाओं की बैठकें आयोजित कर इसकी पूरी रिपोर्ट भी प्रदेश कांग्रेस कार्यलय को जल्द भेजें। बैठक में प्रदेश के सभी जिलाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष अग्रणी संगठनों के प्रमुख उपस्थित थे। इन सभी लोगों ने भी बैठक में अपने अपने विचार रखें।
-सरकार ने सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्धता जताई प्रदेश सरकार सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे नित नए प्रयोग, तकनीक और अनुसंधानों का उपयोग कर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। राज्य में इस क्षेत्र में आवश्यक अधोसंरचना का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए, सरकार प्रदेशभर में 40 शहरी स्वास्थ्य और वेलनेस सेंटर स्थापित करने पर विचार कर रही है। यह केंद्र राज्य के लोगों को घर-द्वार के समीप आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में नई आशा की किरण साबित होंगे। प्रत्येक शहरी स्वास्थ्य और वेलनेस सेंटर में एक समर्पित स्वास्थ्य टीम होगी, जिसमें एक चिकित्सा अधिकारी, फार्मासिस्ट, सहायक नर्स मिडवाइफ (एएनएम) और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली का विस्तार और सुदृढ़ीकरण आवश्यक है। सार्वभौमिक व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल के महत्व पर बल देते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल, मरीजों की संख्या और मृत्यु दर कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे दूसरे और तीसरे स्तर के ईलाज की आवश्यकता कम होती है, जिससे उपचार पर होने वाला खर्च भी कम होता है। वर्तमान में, एक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 50,000 व्यक्तियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है। इस दूरदर्शी और महत्त्वाकांक्षी योजना का लक्ष्य प्रत्येक शहरी स्वास्थ्य वेलनेस केन्द्र द्वारा लगभग 20,000 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है ताकि शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रणनीतिक पहल अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।इन शहरी स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों की स्थापना एक मजबूत और समावेशी स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह नवीन प्रयास शहरी क्षेत्र में रहने वाले लोगों और आजीविका के लिए अन्य राज्यों से आए लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा। यह पहल हालिया कोविड-19 महामारी के दौरान देखी गई फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यबल की कमी का भी समाधान प्रदान करेगी। सुक्खू ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी योजना सर्वजन तक बेहतर स्वास्थ्य देखभाल उपलब्ध करवाने में मील पत्थर साबित होगी, जिसके माध्यम से शहरों में स्वास्थ्य क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों का समाधान सुनिश्चित हो सकेगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सेना में हिमाचल प्रदेश के युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान है तथा छोटे से इस राज्य के लिए यह गर्व का विषय है कि प्रदेश के वीर योद्धाओं ने देश की सीमाओं की बहादुरी से रक्षा करते हुए चार परमवीर चक्र प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि जब भी देश पर बाहरी आक्रमण हुए हमारे बहादुर सैनिक देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने में कभी पीछे नहीं रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश पर बलिदान होने वाले इन जवानों के परिवारों की उचित सहायता करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि युद्ध पीड़ितों तथा भूतपूर्व सैनिकों के पुनर्वास एवं कल्याण के लिए राज्य सरकार निरन्तर प्रयासरत है तथा जनता का सहयोग भी इस अहम कार्य में अपेक्षित है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर वे बढ़-चढ़कर व उदारतापूर्वक से अपना योगदान दें ताकि इस धनराशि से सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की अधिक से अधिक मदद की जा सके।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज राजभवन में रविंद्र सिंह ठाकुर की दो पुस्तकों 'जंगल सर्वाइवलÓ और 'दादी मां की कहानियां और किस्सेÓ का विमोचन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने लेखक के प्रयासों की सराहना की। 'जंगल सर्वाइवलÓ पुस्तक में बताया गया है कि किस प्रकार हम कठिन परिस्थितियों में भी जीवित रहते हुए और प्रकृति से जुड़कर विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी रचनात्मक कल्पनाशक्ति को बनाए रख सकते हैं। 'दादी मां की कहानियां और किस्सेÓ पुस्तक में जीवन जीने की राह बताने वाले सुझाव और प्रेरणादायक विचार भावी पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक और उपयोगी साबित होंगे। रविंद्र सिंह ठाकुर सोलन जिले के रहने वाले हैं। इससे पूर्व कुनिहार निवासी स्वतंत्रता सेनानी बाबू कांशी राम और मास्टर गौरी शंकर पर उनकी पुस्तकें 'मैं और मेरी एसएसबीÓ और 'परिवर्तनी क्षणÓ प्रकाशित हो चुकी हैं।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर सशस्त्र बलों के सभी सदस्यों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर मदन शील शर्मा (सेवानिवृत्त) ने राज्यपाल के कोट पर सशस्त्र सेना ध्वज लगाया। इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी नागरिकों से सशस्त्र सेना झंडा दिवस कोष में उदारतापूर्वक योगदान देने और सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के दृष्टिगत इस पुनीत कार्य में सहयोग करने की आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारे सशस्त्र बलों का एक गौरवशाली इतिहास रहा है। देश सेवा करते हुए सेना, नौसेना और वायु सेना के जवानों द्वारा दिया गया अतुलनीय बलिदान हमारे लिए सदैव प्रेरणा स्रोत है।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के एनसीसी कैडेट्स ने प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन के मार्गदर्शन में सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया। जानकारी देते हुए विद्यालय के एनसीसी अधिकारी अमर देव ने बताया कि विद्यालय में एनसीसी सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं करवाई गईर्ं। सभी विजेता व उप विजेता कैडेट्स को विद्यालय प्रधानाचार्य द्वारा पारितोषिक देकर पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने कैडेट्स को सशस्त्र सेना झंडा दिवस की बधाई दी। वहीं प्रधानाचार्य ने झंडा दिवस की बधाई और कैडेट्स को एकता, अनुशासन, सामजिक सेवा, देश सेवा और कैडेट्स को भारतीय सेना में सेवाएं देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एएनओ अमर देव की इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन करने और कार्य की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय मुख्याधापिका सुषमा शर्मा और अन्य अध्यापक मौजूद रहे।
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा में सह मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपने पर राम कृष्ण मंदारी ने संगठन मंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदरणीय डॉ. राजीव बिंदल, शिशु भाई धर्मा, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष संजीव देष्टा जी, प्रदेश उपाध्यक्ष आदरणीय पुरुषोत्म गुलेरिया, मंडी संसदीय क्षेत्र के पूर्ण कालिक विस्तारक सुरेश शर्मा, शिमला संसदीय क्षेत्र के विस्तारक अक्षय भरमौरी, जिला महासु भाजपा के नेता बलबीर सिंह वर्मा, अजय श्याम, चेतन बारागट, शशि बाला, कौल नेगी, मंडल अध्यक्ष भाजपा ठियोग सतीश राठौर, जिला महामंत्री कमलेश शर्मा एवं वरिष्ठ व कनिष्ठ सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया है।
-मेजर दीपक धवन ने डीसी को झंडा लगाकर की जिला स्तरीय झंडा दिवस की शुरुआत हिमाचल प्रदेश में 7 दिसंबर से 31 दिसंबर तक मनाए जा रहे सशस्त्र सेना दिवस की कड़ी में जिला स्तरीय सेना झंडा दिवस की शुरुआत जिला मुख्यालय नाहन से की गई। जिला सैनिक बोर्ड के उप निदेशक मेजर दीपक धवन ने उपायुक्त सुमित खिमटा को झंडा भेंट किया। उपायुक्त ने सशस्त्र सेना निधि के लिये 100 रुपये का अंशदान किया। उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला सैनिक बोर्ड सुमित खिमटा ने जिला के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से सशस्त्र सेना निधि में झंडे के सम्मान में अंशदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निधि में जमा किया गया धन प्रदेश के सैनिक वर्ग के कल्याणकारी कार्यों के लिए व्यय किया जाता है, जिसमें विधवाएं, अपंग सैनिक, सैनिकों के आश्रित व बेसहारा सैनिकों को समय-समय पर वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। मेजर दीपक धवन ने कहा कि जिला के समस्त विभागाध्यक्षों को झंडे उपलब्ध करवाए गए हैं जिसमें स्कूली बच्चों से पांच रुपये प्रति झंडा व स्टाफ से 10 रुपये प्रति झंडा की दर से राशि एकत्र करने की अपील की गई है। इसके अलावा, मेजर दीपक धवन ने उपायुक्त से अन्य विभागीय मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने अवगत करवाया कि सैनिक विश्राम गृहों को अपग्रेड किया गया है और भविष्य में इसमें और अधिक सुविधाओं का सृजन करने का प्रस्ताव है ताकि बाहर से आने वाले सैनिकों अथवा उनके परिजनों को ठहराव की बेहतर सुविधा मिल सके।
पुलिस थाना रक्कड़ की टीम ने विभिन्न इलाकों में गश्त के दौरान मूहीं चौक रेन शेल्टर में मूहीं निवासी 29 वर्षीय रजत कुमार पुत्र यशपाल से 2.42 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। जानकारी के अनुसार थाना के एएसआई अनिल कुमार देर रात चेकिंग व गश्त पर थे। इस दौरान उन्होंने इस युवक से यह चिट्टा बरामद किया है। मामले की पुष्टि करते हुए रक्कड़ थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने कहा कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। नशे के सौदागरों को पुलिस किसी भी सूरत में बख्शेगी नहीं।
सरकारी धन के दुरुपयोग और विकास कार्यों में अनियमितताओं के चलते शिलाई विकास खंड की जरवा-जुनैली पंचायत की प्रधान को डीसी सिरमौर ने निलंबित कर दिया है। प्रशासन द्वारा जेई, पंचायत सचिव व ग्राम रोजगार सेवक के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जानकारी के मुताबिक जरवा-जुनेली पंचायत के तोताराम, बलीराम, रणसिंह, मोहर सिंह, शेर सिंह ने पंचायत में हो रहे विकास कार्यों में भ्रष्टाचार को लेकर प्रधान व अन्य पंचायत कर्मचारियों के विरुद्ध जिला पंचायत अधिकारी को पत्र भेजकर जांच करने की मांग की थी। शिकायत में बताया गया कि मोक्षधाम सुबयाड़ी, निचला जरवा, पाब व किणु के अलावा भू-संरक्षण कार्य बगोड़ी निचला जरवा, एंबुलेंस योग्य सड़क जुनेली, पक्का रास्ता जुबियाड़ी धार व निर्माण सिंचाई टैंक किणु में सरकारी धनराशि का दुरुपयोग हुआ है। इन योजनाओं का सहायक अभियंता द्वारा पुन: मूल्यांकन किया गया, जिसमें 34,20,288 रुपये का दुरुपयोग होने पर पंचायत प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन प्रधान का जवाब असंतोषजनक मिला। जिलाधीश सुमित खिमटा ने प्रधान के निलंबन की पुष्टि की है।
अटल शिक्षा कुंज स्थित आईईसी विश्वविद्यालय के प्रांगण में फ्रेशर पार्टी "आगाज़ 12.0" का आयोजन धूमधाम के साथ किया गया जिसमें प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने भांगड़ा, नृत्य, नाटी, गायन और डांस आदि की मनोरंजक प्रस्तुतियों में उत्साह के साथ भाग लिया। उन्होंने रैंप-वॉक और अपनी विभिन्न प्रतिभाओं को प्रदर्शित कर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। इस अवसर पर स्टार नाईट में उपस्थित पंजाबी गायक ग्रैंन सिद्धू और साहिब धालीवाल आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। उन्होंने अपनी मनमोहक आवाज़ और अलग अंदाज से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले समस्त प्रतिभागियों को आईईसी विश्वविद्यालय की मैनेजमेंट ने बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों का संपूर्ण विकास होता है और उनमें आत्मविश्वास की वृद्धि होती है। उन्होंने विजेता मिस फ्रेशर मुस्कान, मिस्टर फ्रेशर गगनदीप, मिस टैलेंट प्रियंका मेहता, मिस्टर टैलेंट चुमेश, मिस पर्सनॅलिटी प्रियंका और मिस्टर पर्सनॅलिटी काविश को सम्मानित कर विद्यार्थियों को बधाई दी। कार्यक्रम में वरिष्ठ विद्यार्थियों ने भी बढ़ चढ़कर भाग लिया और अपने सहयोग से कार्यक्रम को और बेहतर बनाया। देर रात तक चले इस मनोरंजक कार्यक्रम में आईईसी विश्वविद्यालय के सभी अध्यापक वर्ग तथा कर्मचारी वर्ग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाग लेने वाले समस्त। छात्रों को आईईसी विश्वविद्यालय की मैनेजमेंट ने बधाई दीl
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त किन्नौर तोरूल रवीश ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 27 अक्तूबर से 09 दिसम्बर तक चलाया जा रहा है। यह अभियान 68-किन्नौर विधान सभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रो पर नियुक्त अभिहित अधिकारियों/बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे सभी पात्र नागरिक जिनकी आयु 01 जनवरी को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी होगी तथा नागरिक संबंधित क्षेत्र का निवासी हो, ऐसे सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करने के लिए 09 दिसम्बर तक प्रारूप-6 पर अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। वर्तमान मतदाता सूचियों में कोई भी नागरिक अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि वेबसाईट http://ceohimachal.nic.in में भी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान विशेष अभियान दिवस 04 नवम्बर, 05 नवम्बर, 18 नवम्बर 2023 व 19 नवम्बर, 2023 को भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल (NVSP)VHA वोटर हेलपलाइन एप के माध्यम से भी ई-रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि जिस नागरिक का नाम फोटोयुक्त मतदाता सूची में दर्ज नही होगा तो वह लोकसभा निर्वाचन-2024 में मत देने के अधिकार सें वंचित रह जाएगा। उन्होंने जिला किन्नौर के समस्त नागिरक विशेषकर युवा एवं महिला मतदाताओं से इस मौके का लाभ उठाने का आवाहन किया। इसके अतिरक्त उन्होंने बताया कि यदि किसी ऐसे मतदाता का नाम फोटोयुक्त मतदाता सूची से कटवाना है जिसकी मृत्यु हो गई है, स्थान में निवास नहीं करता है या किसी अन्य कारण से अयोग्य है तो इस स्थिति में मतदाता सूचि में दर्ज नाम को हटाने के लिए फार्म-7 भरकर आक्षेप करें। उन्होंने बताया कि संशोधन/शुद्धि/निवास स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरकर आवेदन करें। इसके अलावा विद्यमान निर्वाचक नामावली में ऐपिक प्रतिस्थापन/दिव्यांगजन चिहृांकित करने संबंधी प्रविष्टियों का सुधार/निवास स्थानांतरण के लिए भी फॉर्म-8 भरकर आवेदन करें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी फॉर्म निर्वाचक/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, समस्त मतदान केंद्र तथा बूथ लेवल अधिकारी के पास उपलब्ध हैं। उन्होंने जिला के सभी राजनैतिक दलों, गैर-सरकारी स्वयं सेवी संगठनों, महिला मण्डलों, स्वयं सहायता समूहों, युवा मण्डलों एवं नागरिकों से आग्रह किया कि वह प्रारूप प्रकाशन की अंतिम तिथि 09 दिसम्बर, 2023 तक प्रारूप में प्रकाशित फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का निःशुल्क निरीक्षण कर लें तथा समुचित दावे एवं आक्षेप संबंधित अधिकारियों के पास समय पर प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जानकारी के लिए अपने मतदान केंद्र, उपमण्डलाधिकारी कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय अथवा टोल फ्री नम्बरः 1950 (कार्यालय समयावधि) पर सम्पर्क किया जा सकता है।
मुख्य संसदीय सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लोक निर्माण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि गृह रक्षकों को कार्य के प्रति समर्पण, कर्तव्य निष्ठा और सेवाभाव के लिए जाना जाता है तथा यह गुण अन्य को भी राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं। संजय अवस्थी आज गृह रक्षक और नागरिक सुरक्षा के 61वें स्थापना दिवस के अवसर पर बटालियन प्रशिक्षण केन्द्र, अर्जुन मैदान शालाघाट में आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने गृह रक्षकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए आशा जताई कि गृह रक्षक भविष्य में भी अपने समर्पित कार्यों के माध्यम से आम जन की कठिन राहों को आसान बनाते रहेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि गृह रक्षकों की विभिन्न समस्याओं को यथोचित हल के लिए मुख्यमन्त्री के संज्ञान में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वाद्य यन्त्रों की खरीद के लिए गृह रक्षा विभाग को शीघ्र ही 05 लाख रुपए उपलब्ध करवाए जाएंगे। संजय अवस्थी ने कहा कि वर्ष 1962 में गृह रक्षक की स्थापना जन शक्ति के राष्ट्र हित में प्रयोग के दृष्टिगत की गई थी। उन्होंने कहा कि अपनी स्थापना के 61 वर्षों में गृह रक्षक प्रत्येक कसौटी पर खरे उतरे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश में भारी वर्षा के समय आपदा काल में भी गृह रक्षकों ने स्व हित का परित्याग कर बहुमूल्य मानवीय जीवन बचाने में प्रशंसनीय कार्य किया। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि यहां गृह रक्षक प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना के लिए विभिन्न स्वीकृतियां शीघ्र प्राप्त होंगी। मुख्यमन्त्री शीघ्र ही इस केन्द्र की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने गृह रक्षकों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट एवं अन्य प्रदर्शनों की सराहना की। संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमन्त्री सुखविंदर सिंह सुक्खु के सशक्त नेतृत्व में प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी हिमाचल की स्थापना के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने संसाधनों में वृद्धि के लिए प्रयासरत है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि सोलन के कथेड़ में अत्याधुनिक बहुविशेषज्ञ अस्पताल में एयर एम्बुलेंस के लिए समुचित व्यवस्था की जाएगी ताकि आपात स्थिति में रोगी को हर सम्भव सहायता प्रदान की जा सके। डॉ. शांडिल ने प्रदेश के मुख्य वास्तुकार राजीव शर्मा को ट्रामा सेंटर की छत पर एयर एम्बुलेंस के लिए हेली पेड बनाने के सम्बन्ध में उचित दिशा-निर्देश भी दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पताल के निर्माण का कार्य प्रगति पर है और इसे निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल के निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। डॉ. शांडिल ने कहा कि लोगों को विश्व स्तर की बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सोलन के कथेड़ में लगभग 100 करोड़ रुपए की लागत से बहुविशेषज्ञ अस्पताल तथा 30 करोड़ रुपए की लागत से मातृ-शिशु अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में तृतीय स्तर के ट्रामा सेंटर का निर्माण भी किया जाएगा। इस अवसर पर नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, मनोनीत पार्षद विजय ठाकुर, अस्पताल रोगी कल्याण समिति के सदस्य विनीश धीर, अजय कंवर, संधीरा दुल्टा, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, उपमंडलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.एल. वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
शिक्षा में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के उपयोग और गुणवत्ता सुधारने के लिए राज्य के 762 स्कूलों में आवश्यक हार्डवेयर तथा साफ्टवेयर उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधा मिल सके। यह उद्गार विधायक संजय रत्न ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घलौर के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि अपने संबोधन में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लाइब्रेरी रूमस स्थापित किए जाएंगे इसके साथ ही दस हजार मेधावी छात्रों को टेबलेट्स दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य ध्येय वर्तमान शैक्षणिक संस्थानों के आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना है जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा सके। उन्होंने छात्रों से विद्यार्थी जीवन का आनन्द लेने के साथ-साथ जीवन में निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए परिश्रम करने का आह्वान भी किया। विधायक संजय रत्न ने घल्लौर स्कूल के ग्राउंड बनाने के लिए 15 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने इस अवसर पर शैक्षणिक व अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विद्यालय के ममता भाटिया ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और स्कूल की वार्षिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। .. इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी ज्वालाजी डॉक्टर संजीव शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग अरुण वशिष्ठ , अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग अनीश ठाकुर, बीडीओ देहरा कुलदीप शर्मा, एसएचओ विवेक कुमार ,, राजिंदर सिंह , अरविंद शर्मा सहित स्कूल के विधार्थी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी डा निपुण जिंदल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिनाँक 01.01.2024 कीे अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 करवाया जा रहा है तथा इस फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को आधार मानकर आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 करवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का संक्षिप्त पुनरीक्षण जो 9 दिसम्बर, 2023 तक चलेगा इसका भरपूर लाभ उठायें तथा जो मतदाता पंजीकरण हेतू शेष है उन्हें तुरन्त पंजीकरण हेतू प्रोत्साहित करें, ताकि लोकतन्त्र के पर्व में वह भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित् कर सकें। उन्होंने कहा कि फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को अद्यतन करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिनांक 01-01-2024 को 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके पात्र मतदाताओं का नाम फोटोयुक्त मतदाता सूची में दर्ज करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने जिला काँगड़ा के सभी पंजीकृत मतदाताओं से आग्रह किया है कि वह अपना, अपने परिवार तथा सगे सम्बन्धियों के नामों की पुष्टि घर बैठे विभाग द्वारा आॅन लाईन सुविधा (मतदाता हैल्पलाईन, राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल) या सम्बन्धित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एस0डी0एम0) के कार्यालयों में जाकर अवश्यमेव जाँच कर लें, ताकि भविष्य में होने वाले लोकसभा निर्वाचन-2024 में वह अपने-अपने मत का प्रयोग कर सकें। इसके साथ ही अधिक जानकारी प्राप्त करने हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय, धर्मशाला के काॅल सेन्टर मंे निःशुल्क टेलीफोन सेवा 01892.1950) पर कार्यालय समयावधि प्रातः 10ः00 बजे से सांय 5ः00 बजे तक लैण्डलाईन या मोवाईल फोन से सम्पर्क करके विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
एमएस पब्लिक स्कूल मलोट में तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कई विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं व रंगारंग कार्यक्रम में हिस्सा लिया और मेडल व ईनाम जीते। विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ एक्टिविटी बहुत जरूरी है। इसी प्रकार एमएस पब्लिक स्कूल हमेशा पढ़ाई के साथ-साथ एक्टिविटीज भी करवाता है, ताकि बच्चों के अंदर हुनर को पैदा किया जा सके। इस दौरान स्कूल के चेयरमैन राजिंदर सिंह व प्रिन्सिपल आरती वर्मा के द्वारा सभी विजेताओं को मेडल व इनाम दिए गए।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष, कांगड़ा-चंबा के प्रभारी एवं सुलह के विधायक व कार्यक्रम के संयोजक विपिन सिंह परमार ने कहा कि प्रदेश भर सहित सबसे बड़े जिला कांगड़ा में झूठ की गांरटियों पर सवार कांग्रेस सरकार के खिलाफ बड़ा जन आंदोलन कांगड़ा में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की कसौटियों पर पूरी तरह से कांग्रेस सरकार फेल हो गई है और एक बार फिर से लोक लुभावन कार्यक्रम आयोजित कर आम जनता को ठगने का प्रयास किया जा रहा है। पूर्व विस अध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह से फेल रही है। प्रदेश की स्वास्थय व्यवस्था में बड़ा मील का पत्थर हिमकेयर योजना को अधर में लटका दिया गया है। हर विकास कार्य के लिए तंगहाली-बजट का रोना रो रही सरकार ने अब जनता को बहकाने के लिए बड़े कार्यक्रम में लाखों बहाने की योजना बनाई है। भाजपा के कांगड़ा जिला के कार्यक्रम संयोजक विपिन सिंह परमार ने कहा कि कांग्रेस के काले अध्याय के खिलाफ भाजपा 18 दिसंबर को धरना-प्रदर्शन कर आक्रोश जताएंगे।
आज विकास खण्ड अधिकारी कार्यालय कुनिहार में लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। कॉमन सर्विस सेंटर दाड़लाघाट के प्रबंधक जगदीश ने जानकारी देते हुए बताया कि आयुष्मान भारत योजना लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना से अस्पतालों में हजारों की संख्या में मरीजों का इलाज हो चुका है, जिसके लिए सभी लोगों को यह आयुषमान कार्ड बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थी परिवार को हर साल पांच लाख रुपये तक का इलाज मिलने का प्रावधान है। इसके लिए परिवार के हर सदस्य का आयुष्मान कार्ड होना जरूरी है। योजना का लाभ देने के लिए खंड विकास अधिकारी कार्यालय कुनिहार में लोगों के कार्ड बनाने के लिए विभाग की ओर से एक दिवसीय कैंप लगाकर कार्ड बनाए गए। इसके लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। आज कुनिहार में 30 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए है।
वरिष्ठ अधिशाषी अभियन्ता विद्युत मण्डल रिकांगपिओ ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन निगम लिमेटिड भावानगर की 220 के.वी वांगतू-काशंग सर्किट 1 और 2 में विशेष मुरम्मत कार्य के चलते 10 दिसम्बर तक प्रातः 09 बजे से सांय 05 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान कल्पा खण्ड तक की विद्युत आपूर्ति 66/22 के.वी उपकेंद्र नाथपा द्वारा उपलब्ध की जाएगी और यदि वोल्टेज का स्तर ठीक रहा तो पूह तथा स्पीति खण्ड में भी 220/66/22 के.वी उपकेंद्र भोक्टू द्वारा विद्युत आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि 11 दिसम्बर से 15 दिसम्बर, 2023 तक 220 के.वी वांगतू-काशंग सर्किट 1 और 2 में विशेष मुरम्मत कार्य के चलते 24 घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी परन्तु 66/22 के.वी उपकेंद्र नाथपा तथा 220/66/22 के.वी उपकेंद्र भोक्टू के माध्यम से यदि वोल्टेज का स्तर ठीक रहता है तो विद्युत आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने विद्युत आपूर्ति की असुविधा के चलते जनसाधारण से सहयोग की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत भूकम्प जैसी प्राकृतिक आपदा से बचाव के लिए आज किन्नौर ज़िला में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मेगा मॉक ड्रिल में किन्नौर ज़िला के ठाकुर सेन नेगी राजकीय महाविद्यालय रिकांग पिओ में प्राकृतिक आपदा विशेषकर भूकम्प की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों को वास्तविक परिस्थिति के अनुरूप तैयारियों को परखा गया। वास्तविक आपदा के समय जान-माल की क्षति को न्यून करने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय में भूकम्प एवं इसके सम्भावित खतरों के दृष्टिगत आपदा तैयारियों की जांच की गई। इस दौरान 7.8 तीव्रता का काल्पनिक भूकम्प दर्शाया गया जिससे महाविद्यालय की ईमारत ढह गई। ईमारत में लगभग 500 विद्यार्थी व शिक्षक थे जिनमें से 15 लोग बुरी तरह ईमारत में फंस गए। फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के जवानों ने कड़ी मुश्क्कत की तथा सभी को बाहर निकाल कर प्राथमिक उपचार दिया गया। ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्षा एवं उपायुक्त किन्नौर तोरूल रवीश ने आज की मेगा मॉक ड्रिल के संबंध में अधिक जानकारी देते हुए कहा कि मेगा मॉक ड्रिल का उद्देश्य विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर उपकरणों का समुचित उपयोग सुनिश्चित बनाना, मानवीय क्षति को कम करना और बहुमूल्य संपत्ति की रक्षा सुनिश्चित बनाना था। उन्होंने कहा कि मेगा मॉक ड्रिल में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप यह सुनिश्चित बनाया गया कि किस प्रकार आपदा प्रबंधन को प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किन्नौर ज़िला की भौगोलिक परिस्थितियां प्राकृतिक आपदाओं के दृष्टिगत संवेदनशील हैैं। पहाड़ी इलाका होने के कारण भूकम्प जैसी आपदा का अधिक खतरा बना रहता है। ऐसे में आवश्यक है कि सरकारी विभागों के साथ-साथ विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाएं, निजी उद्योग तथा प्रशिक्षित आमजन समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित श्रम शक्ति की उपलब्धत्ता अत्यंत आवश्यक है। मेगा मॉक ड्रिल इस दिशा में उत्प्रेरक का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सरकारी स्तर पर उपलब्ध श्रम शक्ति एवं उपकरणों के साथ निजी एवं स्वयं सेवी क्षेत्र में उपलब्ध संसाधनों का दोहन आवश्यक है। इस तरह के वृहद आपदा प्रबंधन अभ्यास न केवल तैयारियों को अद्यतन रखते हैं अपितु समय पर प्रबंधन को प्रभावी भी बनाते हैं। उन्होंने कहा कि आज की मेगा मॉक ड्रिल अपने उद्देश्य में सफल रही। आपदा के कुशल प्रबंधन के लिए सहायक आयुक्त-उपायुक्त किन्नौर संजीव कुमार भोट ने कहा कि मेगा मॉक ड्रिल के माध्यम से किन्नौर जैसे भोगौलिक दृष्टि से संवेदनशील ज़िला में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को अधिक विश्वसनीय बनाया गया। उन्होंने कहा कि मेगा मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य गलतियों से सीख लेकर आपदा प्रबंधन को और सुदृढ़ करना है। मॉक ड्रिल में उपपुलिस अधीक्षक नवीन जालटा, तहसीलदार कल्पा कंचन, ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य, सभी विभागों के अधिकारी तथा आपदा मित्र एवं विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बाबा काशीराम राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडासीबा में प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार की अध्यक्षता में समस्त दिव्यांग बच्चों को लेकर स्पेशल फिजियोथैरेपी कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में लगभग 36 बच्चों व अभिभावकों ने भाग लिया व फिजियोथैरेपी करवाई। इस कैंप में बतौर विशेषज्ञ डॉक्टर साहिल ने सेवाएं दी। इस मौके पर डाडा सीबा के बीपीओ परमिंदर डडवाल स्थानीय पाठशाला की शिक्षक अभिभावक व पहली कक्षा से लेकर 12वीं कक्षा के 36 विद्यार्थियों व अभिभावकों ने भाग लिया। इस मौके पर सेवानिवृत्ति ड्राइंग मास्टर एवं समाजसेवी अनूप धीमान, चक्षु शर्मा, अजय कुमार ,डॉक्टर साहिल चौधरी, सुदर्शन कुमार व रविंद्र सिंह इस मौके पर उपस्थित रहे।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ खंड इंदौरा की मह्त्वपूर्ण बैठक खंड प्रधान सुरिंदर शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें विभिन्न पदाधिकारियों व अन्य अध्यापक साथियों ने अपने विचार रखे और सरकार व विभाग द्वारा जारी की गई क्लस्टर सिस्टम की अधिसूचना का संघ इंदौरा द्वारा एकमत में कड़ा विरोध किया गया। इसके साथ ही इसके तहत जो मध्याहन भोजन व 300 से 500 मीटर दायरे के बीच सभी स्कूलों की प्रार्थना सभा को एक के छत नीचे करवाने का पूरजोर विरोध किया है। संघ ने कहा कि इससे बच्चों की पढ़ाई के समय की बर्बादी व छोटे बच्चों की सुरक्षा से भी खिलवाड़ होगा। कलस्टर सिस्टम लागू होने से सभी प्राथमिक शिक्षकों के पदोन्नति पद प्रभावित हो जाएंगे और इसके साथ संघ ने मांग की प्री प्राइमरी एनरोलमेंट को भी बुनयादी ढांचे के साथ जोड़ा जाए। इस अधिसूचना के लागू होने से प्राथमिक शिक्षा का समस्त ढांचा तहस नहस हो जाएगा, क्योंकि इससे प्राथमिक शिक्षक अपनी रिपोर्टिंग अपने उच्च विद्यालयों के प्रधानाचार्य, मुख्य अध्यापक, स्नातक अध्यापको के पास करेंगे। बैठक में यह भी सरकार से मांग की गई की इस अधिसूचना में प्राथमिक शिक्षकों के हितों को मद्देनजर रखते हुए इसमे आवश्यक बदलाव किए जाए, अन्यथा संघ आगामी कड़ा कदम उठाने के लिए विवश होगा।
हिमाचल प्रदेश विद्यालय प्रवक्ता संघ जिला सिरमौर ने केवल सरकार से 31 मार्च को अर्थात वर्ष में एक बार ही अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करने के आदेशों को वापिस लेने की मांग की हैं। जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पुंडीर, निवर्तमान राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेन्द्र नेगी, पूर्व महासचिव संजय शर्मा, कोषाध्यक्ष विजय वर्मा ,राज्य कार्यकारिणी सदस्य रमेश नेगी, सतीश शर्मा, राजेश शर्मा, प्रेम पाल पठानिया ,सतपाल सिंह, बलबीर शर्मा, प्रेम कश्यप, राजेंद्र झामटा, रमा शर्मा, संध्या चौहान आदि ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लोक सेवा आयोग अथवा अन्य चयन बोर्ड के माध्यम से चयनित कर्मचारियों की सेवाओं को नियमितिकरण के आदेश की तिथि से नही बल्कि रेट्रोस्पेक्टिव तिथि से ही नियमित करने का प्रावधान होना चाहिए। अनुबंध सेवाओं के नियमितिकरण हेतु दो वर्ष का कार्यकाल निर्धारित करने के लिए वर्ष में केवल एक तिथि को ही गिने जाने से जहां कुछ कर्मचारियों को ठीक दो वर्ष बाद नियमित किया जाएगा। वहीं कुछ ऐसे भी कर्मचारी होंगे जिन्हें नियमित होने के लिए 2 वर्ष 11 माह एवं 29 दिन तक प्रतीक्षा करनी होगी। प्रवक्ता संघ ने सरकार से इस आदेश को तुरंत प्रभाव से निरस्त करने की मांग की है।
उपमंडल के तहत पड़ते कस्बा रैहन में ज़िला रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा 15 दिसम्बर को निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती ने दी। शिविर की तैयारियों को लेकर फतेहपुर में बैठक कर उचित दिशा निर्देश दिए गए हैं । एसडीएम ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में स्वास्थ्य विभाग तथा आयुष विभाग द्वारा लोगों का चेकअप करने के साथ निशुल्क टेस्ट भी किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त उन्हें मुफ्त दवाईयां भी दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। इस मौके पर पात्र लोगों के लिए दिव्यांगता बोर्ड शिविर भी लगाया जाएगा । उन्होंने बताया कि मेले में लोगों को विभिन्न रोगों के बारे में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ समय पर टेस्ट तथा उपचार करवाने बारे भी परामर्श दिया जाएगा। इस मौके पर डॉक्टरों द्वारा स्वस्थ व खुशहाल जीवन जीने के लिए उचित खानपान एवं व्यवहार अपनाने के बारे में भी मूलमंत्र दिया जाएगा। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि वे इस स्वास्थ्य मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंच कर लाभ उठायें।
नीरज राणा एनएसयूआई प्रभारी ने राजकीय महाविद्यालय खुंडियां में जाकर छात्र छात्राओं को छात्र संगठन एनएसयूआई के बारे में अवगत करवाया। नीरज राणा का कहना है कि उन्हें हाल ही में एनएसयूआई की ओर से प्रभारी की कमान सौंपी गई है वहीं उनकी प्राथमिकता रहेगी कि राजकीय महाविद्यालय खुंडिया में जल्द ही स्टाफ पूरा किया जायेगा कॉलेज विद्यार्थियों को जिन भी समस्याओं का सामना करना पड़ता है सभी का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा । नीरज राणा ने कहा कि जल्द ही खुंडिया कॉलेज में एनएसयूआई इकाई का गठन किया जाएगा । इस दौरान उन्होंने कॉलेज प्राचार्य अनिल जरयाल व कैंपस के प्राध्यापकों का आभार भी व्यक्त किया है
जिला सिरमौर के सभी सरकारी व निजी महाविद्यालयों ,मेडिकल कॉलेज, बी०एड० कॉलेज, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान,पॉलिटेक्निक संस्थान, माध्यमिक व उच्च पाठशालाओं के मुखिया एवं स्कॉलरशिप नोडल ऑफिसर का उप निदेशक उच्च शिक्षा जिला सिरमौर के कार्यालय नाहन में 7 से 14 दिसंबर तक नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण किया जाएगा यह जानकारी उप-निदेशक उच्च शिक्षा कर्म चंद ने दी। उन्होने बताया कि 7 दिसंबर को नाहन , माजरा व सुरला ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले संस्थानों के मुखिया एवं स्कॉलरशिप नोडल ऑफिसर भाग लेंगे तथा 11 दिसंबर को पॉवटा साहिब ,खोडोवाला व सतौन के अंतर्गत आने वाले संस्थानों के मुखिया एवं स्कॉलरशिप नोडल ऑफिसर भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर को शिलाई, बकरास व कफोटा तथा 13 दिसंबर को सराहां, नारग व राजगढ़, 14 दिसंबर को संगडाह, ददाहू व नौहराधार के अंतर्गत आने वाले संस्थानों के मुखिया एवं स्कॉलरशिप नोडल ऑफिसर भाग लेंगे । उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में भाग लेना प्रत्येक संस्थान के लिए आवश्यक है जिन संस्थानों के मुखिया एवं स्कॉलरशिप नोडल ऑफिसर का पहले ही बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण हो चुका है वे संस्थान इस प्रक्रिया में दोबारा भाग नहीं लेंगे ।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल ने सोलन के कथेड़ में बहु उद्देशीय अस्पताल के निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैैं। उन्होंने आज सोलन के कथेड़ में अस्पताल के निर्माणाधीन भवन कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को इस निर्माण कार्य को समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि कथेड़ में मातृ-शिशु अस्पताल और क्रिटिकल केयर सेंटर भी निर्मित किया जा रहा है। निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल के निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। स्वास्थ्य मन्त्री ने विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को निर्माण स्थल पर हाई टैंशन वायर को अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल सोलन, शिमला, सिरमौर के साथ-साथ पर्यटकों के लिए जीवन रक्षक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल के निर्माण कार्य को समय पर पूरा करना और निर्माण कार्य की गुणवत्ता विश्व स्तरीय बनाए रखने के लिए वह स्वयं नियमित तौर पर निरीक्षण सुनिश्चित बना रहे है। निर्माण कार्य में संलग्न सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदार को निर्देश दिए गए है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए। डॉ. शांडिल ने कहा कि लोगों को विश्व स्तर की बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सोलन के कथेड़ में लगभग 100 करोड़ रुपए की लागत से विश्व स्तरीय अत्याधुनिक बहुविशेषज्ञ अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। यहां लगभग 30 करोड़ रुपए की लागत से मातृ-शिशु इकाई का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में त्वरित उपचार के दृष्टिगत हैलीकॉप्टर उतारने की सुविधा भी होगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में तृतीय स्तर के ट्रॉमा सेंटर के निर्माण से प्रदेश के इस महत्वपूर्ण राजमार्ग पर आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। इस अवसर पर जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, मनोनीत पार्षद रजत थापा, शहरी कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अंकुश सूद, रोगी कल्याण समिति के सदस्य विनीश धीर, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, अजय कंवर, अतिरिक्त उपायुक्त अजय यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल, उपमंडलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर, प्रदेश विद्युत बोर्ड के अतिरिक्त अधीक्षण अभियन्ता राहुल वर्मा, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियन्ता सुमित सूद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सचिव एम.सुधा देवी ने आज यहां मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय चिकित्सा स्वास्थ्य और तंत्रिका विज्ञान संस्थान तथा महिला एवं बाल विकास निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 67 बाल संरक्षण इकाईयों एवं बाल देखभाल संस्थाओं के कर्मचारी भाग ले रहे हैं। एम.सुधा देवी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को बच्चों के बचपन और उनके भावनात्मक एवं संवेदनशील अनुभवों के बारे में जागरूक करना है। साथ ही उनमें बाल अधिकारों पर आधारित दृष्टिकोणों की समझ विकसित करने तथा यह समझने में सक्षम बनाना है कि बच्चे अपने अनुभव कैसे समझते हैं। उन्होंने ज़िलों से आए बाल संरक्षण इकाईयों के प्रतिभागियों को बच्चों के सर्वोत्तम हित, बच्चों के समग्र विकास, उनकी सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और पुनर्वास की जरूरतों को सुनिश्चित करने के दृष्टिगत कार्य योजना तैयार करने के लिए भी प्रेरित किया। महिला एवं बाल विकास निदेशक रूपाली ठाकुर ने प्रतिभागियों से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बच्चों की मनोवैज्ञानिक, भावनात्मक और व्यवहार सम्बंधी समस्याओं पर समझ बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम से सम्बंधित विस्तृत रूपरेखा भी प्रस्तुत की। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और तंत्रिका विज्ञान संस्थान की तकनीकी और परिचालन प्रमुख शीला रामास्वामी तथा कांगड़ा क्षेत्र के लिए संवाद परियोजना प्रबंधक कृति टिक्कु बतौर प्रवक्ता इसमें शामिल हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर, कांगड़ा, हमीरपुर, चम्बा और ऊना के अंतर्गत आने वाली इकाईयों और संस्थानों के कर्मचारी भाग ले रहे हैं।
बाबा कांशी राम राजकीय महाविधालय डाडासिबा में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. जतिंदर कुमार की अध्यक्षता में करवाया गया। इस दौरान राजकीय वरिष्ठ विद्यालय डाडा सिबा के प्रधानाचार्य सुदर्शन शर्मा और रविंद्र पीजीटी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान क्रमश 100, 400 और 800 मीटर की दौड़, गोला फेंक, लम्बी कूद- ऊंची कूद रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगियों का आयोजन किया गया। 100 मीटर दौड़ के बॉयज के मुकाबले में विशाल शर्मा, अमित ठाकुर, ऋषभ राणा ने प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया 400 मीटर दौड़ में विशाल शर्मा, सचिन सहोत्रा, अमित ने क्रमशः प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 800 मीटर के रोचक मुकाबले में सचिन सहोत्रा गौरव और विशाल शर्मा ने प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि और विशेष अतिथि ने विजेताओं को मेडल पहना कर उनका उत्साह वर्धन किया। इस इन प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में प्रो रामपाल, दविंदर, पलक और कार्यालय लिपिक रामदयाल ने विशेष सहयोग किया।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर 11 दिसम्बर, 2023 को कांगड़ा जिला के पुलिस मैदान, धर्मशाला में ‘व्यवस्था परिवर्तन का एक साल’ विषय पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व भी शामिल होगा। उन्होंने यह बात इस समारोह के आयोजन सम्बंधी विभिन्न प्रबंधों की समीक्षा के लिए आज यहां राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी प्रबंध समय रहते पूरे करने तथा इसमें भाग लेने वाले लोगों को हरसम्भव सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह से सम्बंधित विभिन्न प्रबंधों के लिए राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, विधायक संजय रतन व केवल सिंह पठानिया जिला प्रशासन के साथ समन्वय करेंगे। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सभी विभागों को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सुरक्षा प्रबंधों, पेयजल व विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता व मोबाइल शौचालय इत्यादि के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने पुलिस विभाग को वाहनों के सुचारू यातायात व पार्किंग इत्यादि के लिए पुख्ता प्रबंध करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए पुलिस मैदान में बड़ी एलईडी स्क्रीन भी स्थापित की जाएंगी। उन्होंने समारोह के दौरान स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए भी समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से जुड़े कांगड़ा जिला के उपायुक्त एवं अन्य अधिकारियों को भी आयोजन से सम्बंधित दिशा-निर्देश दिए। बैठक में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, विधायक केवल सिंह पठानिया, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडु, प्रधान सचिव ओंकार चंद शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार, सचिव अभिषेक जैन, एम.सुधा देवी, सी.पॉलरासु व राकेश कंवर, अतिरिक्त पुुलिस महानिदेशक सतवंत अटवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
राजकीय महाविद्यालय रिकांग पिओ में 06 दिसम्बर को प्रस्तावित मॉक ड्रिल के लिए आई.टी.डी.पी भवन में बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता सहायक आयुक्त संजीव कुमार भोट ने की। इस अवसर पर संजीव कुमार भोट ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय रिकांग पिओ में भूकम्प की स्थिति में जान-माल की सुरक्षा एवं नुकसान को कम करने हेतु मॉक ड्रिल का आयोजन प्रस्तावित है जिसमें एनडीआरएफ, होम-गार्ड, पुलिस एवं अन्य सुरक्षा बल तथा विभिन्न विभागों के दलों द्वारा भाग लिया जाएगा। मॉक ड्रिल के दौरान महाविद्यालय भवन से आईटीबीपी ग्राउंड तक भूकंप से प्रभावितों को पहुंचाया जाएगा, जहां पर प्रथम उपचार के बाद एम्बुलेंस के माध्यम से स्थानीय अस्पताल तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर उपमण्डलाधिकारी कल्पा डॉ. मेजर शशांक गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी, परियोजना अधिकारी आईटीडीपी राज कुमार, आईटीबीपी, एनडीआरएफ के अधिकारी, पुलिस एवं होम गार्ड, उपपुलिस अधीक्षक नवीन जालटा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
नीरज राणा एनएसयूआई प्रभारी ने राजकीय महाविद्यालय खुंडियां में जाकर छात्र छात्राओं को छात्र संगठन एनएसयूआई के बारे में अवगत करवाया। नीरज राणा का कहना है कि उन्हें हाल ही में एनएसयूआई की ओर से प्रभारी की कमान सौंपी गई है वहीं उनकी प्राथमिकता रहेगी कि राजकीय महाविद्यालय खुंडिया में जल्द ही स्टाफ पूरा किया जायेगा कॉलेज विद्यार्थियों को जिन भी समस्याओं का सामना करना पड़ता है सभी का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा । नीरज राणा ने कहा कि जल्द ही खुंडिया कॉलेज में एनएसयूआई इकाई का गठन किया जाएगा । इस दौरान उन्होंने कॉलेज प्राचार्य अनिल जरयाल व कैंपस के प्राध्यापकों का आभार भी व्यक्त किया है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने आज एनसेंबल एजुकेशन इनोवेशनज के केन्द्र का शुभारम्भ किया। यह केन्द्र सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सहायक सिद्ध होगा। डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर कहा कि यह केन्द्र युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान कर उनके भविष्य को उज्जवल बनाने में दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने केन्द्र के संचालकों को अपनी शुभकामनाएं दी। उन्होंने आशा जताई कि केन्द्र प्रदेश के युवाओं को लक्ष्य प्राप्ति के लिए उचित मार्गदर्शन एवं आवश्यक शिक्षा प्रदान करेगा। डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा सुविधाएं एवं अवसर प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा के लिए मेधावी विद्यार्थियों को 20 लाख रुपए का ऋण एक प्रतिशत ब्याज पर उपलब्ध करवा रही है। इससे मेधावी छात्र अपने भविष्य की चिंता से मुक्त हुए हैं। इस अवसर पर जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अंकुश सूद, नगर निगम सोलन के मनोनीत पार्षद रजत थापा तथा विजय ठाकुर, आज के कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि संजय शांडिल, अकादमिक प्रमुख डॉ. एस. मुखर्जी सहित अकादमिक के शिक्षक मौजूद रहे।
डाडा सीबा तहसील के अंतर्गत कस्बा जागीर पंचायत के गांव डुहकी में बिना मां बाप के जीवन यापन कर रही तीन बेटियों और एक बेटे की आर्थिक मदद के लिए किनर समुदाय आगे आया है। इस परिवार के बारे में जैसे ही चिन्तपुरणी की किन्नर कशिश महंत को पता चला तो वो तुरन्त उनके घर डूहकी पहुंची। महंत ने 5100 रुपये की आर्थिक मदद और बच्चो को राशन भी दिया। महंत ने लोगों से अपील की है कि इस परिवार की मदद करें और उन्होंने पंचायत प्रधान प्रशासन मुख्यमंत्री से अपील की है इन बच्चों की सहायता की जाए ताकि यह समय पर अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें
धर्मशाला, 4 दिसम्बर। क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी आकाश राणा ने बताया कि इवान सिक्योरिटी फंक्शंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा महिला व पुरुष श्रेणी के 330 पद सिक्योरिटी गार्ड व सिक्योरिटी सुपरवाइजर के भरे जाने हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ 7 दिसम्बर, 2023 को उप रोजगार कार्यालय जवाली, 8 दिसम्बर, 2023 को उप रोजगार कार्यालय देहरा तथा 11 दिसम्बर, 2023 को उप रोजगार कार्यालय ज्वालामुखी में सुबह 11 बजे साक्षात्कार के लिए आ सकते हैं। इसके लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता व अन्य देय नहीं दिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक आवेदकों को साक्षात्कार में भाग लेने से पूर्व ईईएमआईएस डॉट एचपी डॉट एनआईसी डॉट आईएन पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए उक्त वेबसाइट पर अपनी ई-मेल से लॉगइन करने के बाद अपने डैशबोर्ड में दिख रही इवान सिक्योरिटी फंक्शंस प्राइवेट लिमिटेड की रिक्तियों के लिए आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन के बाद ही साक्षात्कार में भाग लिया जा सकता है। यह रहेगी योग्यता क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी ने बताया कि उक्त पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास या उससे अधिक और आयु सीमा 20 से 36 वर्ष रखी गई है। उन्होंने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को कंपनी द्वारा 12000 से 22000 रूपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9418217918 तथा 8221862918 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
किन्नौर जिला के लीड बैंक, पंजाब नैश्नल बैंक के प्रबंधक तिलक राज डोगरा ने आज यहां बताया कि पंजाब नैश्नल बैंक की वेतन बचत खाता योजना के तहत जिला की सुंदर देवी को उनके पती राकेश कुमार की दुर्घटना में मृत्यु होने पर 40 लाख रुपये का चैक योजना के तहत दिया गया। उन्होंने बताया कि राकेश कुमार खण्ड विकास कार्यालय निचार में कार्यरत थे तथा उनका खाता पंजाब नैश्नल बैंक की निगुलसरी शाखा में वेतन बचत खाता योजना के अंतर्गत था। उनकी दुर्घटना में मृत्यु होने पर इस योजना के तहत स्वचिलत दावे पर उनकी पत्नी को यह राशि दी गई। तिलक राज डोगरा ने बताया कि वेतन बचत खाता योजना केंद्रीय, राज्य, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, सरकारी तथा अर्ध-सरकारी निगम, बहु राष्ट्रीय निगम, शिक्षण संस्थान तथा अन्य किसी भी संस्थान के नियमित तथा अनियमित कर्मचारियों के लिए है। इस योजना में 5 भाग हैं जिसके तहत 10 हजार से 25 हजार रुपये तक वेतन प्राप्त करने वाले कर्मचारी सिल्वर 25 की श्रेणी में आते हैं जिन्हें दुर्घटना में मृत्यु होने पर 30 लाख रुपये की राशि प्राप्त होगी। इसी प्रकार से 25 हजार 01 रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक का वेतन प्राप्त करने वाले कर्मचारी गोल्ड 50 की श्रेणी में आएंगे जिन्हें 40 लाख रुपये की राशि, 50 हजार 01 रुपये से लेकर 01 लाख रुपये तक का वेतन प्राप्त करने वाले कर्मचारी प्रीमीयम 100 की श्रेणी में आएंगे जिन्हें 45 लाख रुपये की राशि, 01 लाख 01 रुपये से लेकर 02 लाख रुपये तक का वेतन प्राप्त करने वाले कर्मचारी पलेटिनम 200 की श्रेणी में आएंगे जिन्हें 45 लाख रुपये की राशि तथा 02 लाख रुपये से अधिक वेतन प्राप्त करने वाले कर्मचारी टाईटेनियम श्रेणी में आते हैं जिन्हें 50 लाख रुपये की राशि प्राप्त होगी।
मात्र 250 रूपये में खुलवाएं दस वर्ष तक की बेटी का खाता, 7.6 प्रतिशत ब्याज के साथ मिलेगी टैक्स में छूट भारतीय डाक विभाग द्वारा 4 दिसम्बर से 16 दिसम्बर तक सुकन्या समृद्धि योजना के तहत ‘समृद्ध सुकन्या, समृद्ध समाज’ अभियान चलाया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए अधीक्षक डाकघर धर्मशाला रविंद्र शर्मा ने बताया कि इस योजना के तहत दस वर्ष या उससे कम आयु की बेटी के नाम पर न्यूनतम 250 रूपये से खाता खुलवाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि खाता खुलने के बाद आवेदक अपनी सुविधा अनुसार इसमें राशि जमा करवा सकता है, जोकि एक वर्ष में एक लाख पचास लाख रूपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत आवेदक को सरकार द्वारा जमा की गई राशि पर 7.6 प्रतिशत की तर्ज पर ब्याज दिया जायेगा। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत जमा की गई राशि पर सेक्शन 80-सी के तहत इनकम टैक्स में छूट का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि बेटी की आयु 21 वर्ष होने पर यह राशि उसे दी जाएगी। योजना के तहत आवेदक बालिका 18 वर्ष की होने पर अपनी उच्च शिक्षा के लिए जमा राशि का 50 प्रतिशत निकलवा सकती है। उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य है बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए खातों की शुरुआत करना, जो सीधे महिला सशक्तिकरण का एक कदम है। यह अभियान बेटियों के लिए सुरक्षित भविष्य के साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आम जनमानस से नजदीकी डाकघर में जाकर पात्र कन्याओं के खाते खुलवाने का अनुरोध किया है। उन्होंने पात्र बालिकाओं के अभिभावकों से अपील की है कि वह अपनी पात्र बेटियों का खाता अवश्य खुलवाएं और भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए किसी भी नजदीकी डाकघर से संपर्क किया जा सकता है।
बद्दी में ज़िला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन समारोह आयोजित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण एवं इन तक विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ समय पर पहुंचाने के लिए कृतसंकल्प है। डॉ. शांडिल आज सोलन ज़िला के बद्दी में आयोजित ज़िला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगता दिवस समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि दिव्यांग का अर्थ यह नहीं कि वे किसी से कमज़ोर हैं बल्कि दिव्यांगजन में आम लोगों की तुलना अधिक आत्मबल और इच्छा शक्ति होती है। कोई भी दिव्यांग अपने आप को दिव्यांग न समझे बल्कि अपने आत्मबल के माध्यम से जीवन में सदैव ऊंचा उठने का प्रयास करें। समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दिव्यांगजनों के लिए अवसर सृजित करने के लिए कई कदम उठाए हैं ताकि वह आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि सभी के साथ अच्छा व्यवहार आवश्यक है। दिव्यांगजनों को आत्मविश्वास और आत्मबल प्रदान करने में अच्छा व्यवहार ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग व्यक्ति का जीवन साधारण होता हैं हमें उनका मार्गदर्शन करना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा ज़िला सोलन में दिव्यांग राहत भत्ता(पेंशन) के तहत 4537 पात्र दिव्यांगजनों को लगभग 3.65 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी अपंग राहत भत्ता के 119 लाभार्थियों को लगभग 12.09 लाख रुपए की राशि तथा 79 दिव्यांग छात्रों को लगभग 7.74 लाख रुपए की राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांगों को सरकारी नौकरी में 4 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है ताकि इनका जीवन बेहतर बन सके। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सरकार के गठन के तुरंत बाद अपने पहले निर्णय में समाज के संवेदनशील आश्रित वर्ग का सहारा बनने का संकल्प लेते हुए मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 27 वर्ष तक के अनाथ बच्चों को 4,000 रुपये मासिक जेब खर्च, कोचिंग के लिए एक लाख, तीन बिस्वा भूमि और मकान निर्माण के लिए 3 लाख रुपये, विवाह के लिए दो लाख रुपये का अनुदान और सूक्ष्म व लघु उद्योग लगाने के लिए दो लाख रुपये का अनुदान प्रदान कर रही है। सुखाश्रय योजना के तहत मुख्यमंत्री सुखाश्रय कोष का भी गठन भी किया गया है जिसमें लगभग 04 हजार से अधिक बेहसहारा बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में अपनाया गया है। डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर बर्लिन (जर्मनी) में आयोजित स्पेशल ओलम्पिक वर्ल्ड समर गेम्ज में बास्केटबॉल की टीम प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले खिलाड़ी अविनाश कौण्डल को सम्मानित भी किया। मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व एवं नगर नियोजन) राम कुमार चौधरी ने कहा कि दिव्यांगजन दिव्य शक्ति से संपन्न होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिव्यांग व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने दिव्यांगजनों की उपलब्धियों की सराहना भी की। उन्होंने दिव्यांग व्यक्तियों के जीवन में सकारात्मक अंतर लाने वाले तथा जमीनी स्तर पर काम करने वाले लोगों का आभार जताया। उन्होंने इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री से बद्दी में ट्रामा सेंटर स्थापित करने और बद्दी अस्पताल को 100 बिस्तर वाले अस्पताल के रूप में स्तरोन्नत करने की मांग की। स्वास्थ्य मंत्री तथा मुख्य संसदीय सचिव ने इस अवसर पर 64 व्हील चेयर, 05 बैसाखी, 02 छड़ी, 01 कैलिवर, 14 श्रवण यंत्र, 03 विजू़यल ऐड तथा 01 वॉकर वितरित किए। इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। नगर परिषद बद्दी के अध्यक्ष तरसेम चौधरी, खण्ड कांग्रेस समिति दून के अध्यक्ष कुल्तार सिंह, ग्राम पंचायत भटोली कलां के उप प्रधान बिल्लू खान, पार्षदगण, ज़िला कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष अच्छर पाल कौशल, अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय कुमार यादव, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल, ज़िला कल्याण आधिकारी सोलन गावा सिंह नेगी, ज़िला कार्यक्रम अधिकारी विनोद कुमार, कल्याण संयुक्त निदेशक उद्योग (सिंगल विंडो) योगेश गुप्ता, उप पुलिस अधीक्षक बद्दी प्रियांक गुप्ता, तहसील कल्याण अधिकारी सोलन सुरेन्द्र सिंह, गणपति एजुकेशन सोसाइटी कुनिहार के सदस्य, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ उद्योग संघ के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
किसानों की अथक मेहनत, वैज्ञानिकों की कुशलता और सरकार की किसान हितैषी नीतियों के फलस्वरूप प्रदेश में कृषि क्षेत्र निरन्तर विकसित हो रहा है। प्रभावी कृषि योजनाओं के माध्यम से किसानों और कृषि उद्यमियों को लाभान्वित किया जा रहा है। वहीं, किसान के हर खेत तक पानी पहुंचाने की सरकार की कवायद सफलता की नई इबारत लिख रही है। प्रदेश सरकार की जल से कृषि को बल योजना के अंतर्गत राज्य में उपयुक्त स्थानों पर चेक डैम व तालाबों का निर्माण किया जाता है। इनमें एकत्रित जल का उपयोग कर किसान व्यक्तिगत लघु उठाऊ सिंचाई तथा बहाव सिंचाई योजनाओं को बनाकर खेतों तक पानी पहुंचाते हैं। योजना के अंतर्गत सामुदायिक लघु जल संचयन योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए शत-प्रतिशत व्यय सरकार द्वारा वहन किया जाता है। वर्ष 2022-23 में 25 करोड़ रुपये व्यय कर प्रदेश के 80.26 हेक्टेयर क्षेत्र में नई सिंचाई योजनाओं का सृजन कर 345 किसानों को लाभान्वित किया गया। वर्ष 2023-24 के लिए इस योजना के अंतर्गत 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना के अंतर्गत प्रदेश में अभी तक 5.18 करोड़ रुपये व्यय कर किसानों को लाभान्वित किया गया है। प्राकृतिक जल स्रोतों के नवीकरण और सामुदायिक क्षेत्रों में कुहलों को सुदृढ़ कर सिंचाई कार्य में इनका उपयोग करने के लिए सरकार निरन्तर प्रयासरत है। सरकार की प्रवाह सिंचाई योजना के अंतर्गत प्रदेश में कुहलों के स्रोतों का नवीकरण तथा सामुदायिक क्षेत्रों में कुहलों के सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत सभी सामुदायिक कार्यों के लिए शत प्रतिशत व्यय सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है। योेजना के अंतर्गत व्यक्तिगत स्तर पर बोरवेल तथा उथले कुओं के निर्माण पर 50 प्रतिशत की सहायता का प्रावधान है। योजना के अंतर्गत वर्ष 2022-23 में 600 हेक्टेयर क्षेत्र को शामिल कर 820 किसानों को लाभान्वित किया गया तथा वर्ष 2023-24 में 8 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया जिसमें से अब तक 4.56 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं। प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकों को प्रयोगशाला से निकालकर खेत तक पहुंचाने की अवधारणा को साकार कर रही है। पहाड़ों में कृषि कार्यों सम्बंधी कठिनाइयों के दृष्टिगत किसानों को अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। कृषि क्षेत्र में मशीनीकरण के लिए राज्य कृषि यंत्रीकरण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत चारा कटर, मक्का शैलर, गेहूं थ्रेशर, स्प्रेयर, ब्रश कटर, एस.एस. हल, एम.बी. हल इत्यादि उपकरण 40 से 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध करवाए जाते हैं। योजना के क्रियान्वयन के लिए प्रदेश सरकार ने वित्त वर्ष 2023-24 में 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। कृषक कल्याण को सर्वोच्च अधिमान देते हुए प्रदेश सरकार द्वारा कई प्रोत्साहन प्रदान करने के साथ-साथ महत्त्वाकांक्षी योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है जिनसे प्रदेश के किसानों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं और ऊपज में बढ़ौतरी से उनकी आर्थिकी भी सुदृढ़ हो रही है।
कृषि उपनिदेशक डॉ. राजिंदर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत रबी मौसम में गेहूं व जौं की फसल का चयन सरकार द्वारा किया गया है I इन फसलों का बीमा करवाने की अंतिम तिथि 15 दिसम्बर 2023 निर्धारित की गयी हैI इस कृषि बीमा योजना के अन्तर्गत कम वर्षा, सुखा, बाड़, ओला वृष्टि, फसल कटाई के उपरान्त दो सप्ताह तक होने वाले नुक्सान तथा स्थानीयकृत आपदाओं को कवर किया है। गेहूं की फसल के लिए 60 हजार रूपए तथा जौं की फसल के लिए 50 हजार रूपए प्रति हेक्टेयर बीमा राशि सरकार द्वारा निर्धारित की गई हैI किसान को गेहूं के लिए 900 रूपए प्रति हेक्टेयर या 72 रूपए प्रति बीघा प्रीमियम राशि देनी होगीI इसी तरह जौं की फसल के लिए 750/- रूपए प्रति हेक्टेयर या 60 रूपए प्रति बीघा प्रीमियम के रूप में किसान को देना होगा I उन्होंने बताया कि गेहूं व जौं की फसल उगाने वाले जिला सिरमौर के काश्तकार और बटाईदार सहित सभी किसान अपनी फसल का बीमा करवा सकते हैं I जिला सिरमौर में रबी सीजन 2023-24 के लिए एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी सरकार द्वारा अधिसूचित की गयी है। कृषि विभाग ने किसानों से आग्रह किया कि वह गेहूं व जौं की फसल का बीमा करवाएं ताकि फसल के नुकसान होने पर उन्हें उचित मुआवजा मिल सके व उनकी आर्थिकी पर बुरा असर न पड़े I
जिला स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन में मिनर्वा स्कूल के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन रहा। इस सम्मेलन का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल पाठशाला घुमारवीं में किया गया। स्कूल के सात विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय विज्ञान सम्मेलन के लिए हुआ है। प्रधानाचार्य परवेश चंदेल ने राज्य स्तर के लिए चयनित सभी विद्यार्थियों को बधाई दी। बच्चों को सम्मानित करने के लिए स्कूल में एक सादे समारोह का आयोजन किया गया जहां सभी बच्चों को सम्मानित किया गया। बच्चों ने अपने विचार भी सांझा किए। परवेश चंदेल ने उन्होंने बताया कि जिला स्तर में सीनियर सेकेंडरी ग्रुप में मोस्ट एक्टिव स्टूडेंट शुभम शर्मा रहे। जबकि गणित ओलंपियाड के सीनियर वर्ग में आदित्या, सीनियर सेकेंडरी मैथ ओलम्पियाड ग्रुप से प्रिशा चौहान, साइंटिफिक प्रोजेक्ट रिपोर्ट में सीनियर सेकेंडरी ग्रुप से अभिनव, युवराज, भूमिका व सीनियर सेकेंडरी में ओशर्वी ने बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं मॉडल प्रतिस्पर्धा में वैदिक भक्त ने भी अपना शानदार प्रदर्शन किया। इन विद्यार्थियों ने स्कूल का ही नहीं अपितु अपने माता पिता व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस सभी विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तर के लिए हुआ है। इसके लिए बच्चों के साथ स्कूल स्टाफ बधाई के पात्र हैं। प्रधानाचार्य परवेश चंदेल व अन्य अध्यापकों ने सभी छात्रों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री आज यानी शनिवार को ऊना जिले के दौरे हैं और वहां पर उन्होंने संबोधन करते हुए कहा कि राज्य में सरकार तो बन गई है लेकिन सरकार चलाने के लिए पैसे नही थे। 75 हजार करोड़ का कर्ज हिमाचल की जनता पर था। मुकेश और मैं देर रात मंथन करते रहे हमने सभी विभागों को जांचा। बहुत बुरे हालात में प्रदेश को पूर्व सरकार छोडकर गई। हमने इस संकट से निदान का उपाय सोचा और कड़े फैसले लिए। सीएम ने आगे कहा कि प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हमने अभियान शुरू किया और ऊना से आत्मनिर्भर बनने का मार्ग शुरू किया। आने वाले चार साल में हिमाचल पूर्णत: आत्मनिर्भर बनेगा। पहला सोलर पॉवर प्लांट आज शुरू किया जा रहा है। पीजीआई सेटेलाइट सेंटर फाइलों में था हमने दस्तावेज़ खंगाले और इसका प्रयास शुरू किया। हमने इसके लिए सभी विभागों की क्लीयरेंस दी और तब जाकर काम शुरू हुआ। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि ऊना में ड्रग बल्क पार्क बनने से दस हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा और अच्छे शासन के लिए अच्छा प्रशासन जरूरी है। हमने पुण्य का कार्य किया, मैं अनाथ आश्रम गया और वहां मैंने सीखा। इसके साथ उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान का पहला कानून अनाथ बच्चों के लिए बनाया गया। राज्य को चिल्ड्रन ऑफ स्टेट घोषित किया गया और अनाख बच्चों की देखभाल सरकार करेगी। कर्मचारियों को प्रदेश सरकार ने ओपीएस दिया। सीएम आगे बोले कि पिछली पांच साल की सरकार ने जनता को ठगा है और हमने डे बोर्डिंग स्कूल प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बनाने की घोषणा की। बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए हमने अगले वर्ष से पहली कक्षा में इंग्लिश अनिवार्य कर दी। इसके साथ ही पिछली सरकार में खराब पड़ी सीटी स्कैन व एमआरआई में भी हमने सुधार किया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि ये दुखद: है कि प्रदेश कैंसर के मामलों में पूरे भारत मे दूसरा स्थान बन गया और जहां सबसे ज्यादा केंसर के मामले सामने आ रहे है। पिछली सरकार के अटके हुए रिजल्ट हमने निकलवाए और युवाओं को इंसाफ दिलवाया। पेपर लीक होते रहे, पुलिस भर्ती घोटाला हुआ व क्रिप्टो करंसी घपला हुआ। इसको लेकर पिछली सरकार में कोई कारवाई नहीं की गई। किसानों, महिलाओं व युवाओं के लिए धीरे धीरे हम योजनाएं बना रहे है। आज सरकार की कमाई 100 रुपए है, तो खर्च 170 रूपए है। इसमें 70 रुपए उधार से हम सरकार चला रहे हैं। युवाओं के लिए ई टेक्सी में 50 प्रतिशत अनुदान देने जा रहे हैं। बिजली को लेकर सीएम बोले कि जिन युवाओं के पास 6 कनाल की जगह होगी, तो उसमे 500 किलोमेगावाट का सोलर सिस्टम लगाया जाएगा व उसकी बिजली 25 साल तक प्रदेश सरकार खरीदेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2061 वन मित्र 7000 टी जी टी अध्यापक नियुक्त करने जा रहे है । भविष्य में राज्य चयन आयोग में पेपर लीक जैसी घटना नही होगी । पुलिस में 30 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को दिया जा रहा है। इतिहास की सबसे बड़ी आपदा प्रदेश में आई और 16000 घरों को नुकसान पहुंचा व 4000 घर पूर्णतया: समाप्त हो गए। 500 के करीब लोग मौत का शिकार हुए। 4500 करोड़ का पैकेज आपदा में दिया। 10 साल में हिमाचल हिंदुस्तान का सबसे समृद्ध राज्य होगा जिला ऊना में मुख्यमंत्री के एक दिवसीय दौरे के दौरान राज्य के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि आज एक नई शुरुआत हो रही है, जिला ऊना के लिए प्रदेश के निचले इलाकों खासकर ऊना में आज तक नहीं हुआ, केवल ऊपरी हिमाचल में ही बिजली उत्पादन हुआ। आज हम पहली बार ऊना जिले में बिजली पैदा करने जा रहा है। ऊना जिले का पहला सोलर बिजली प्लांट 50 करोड़ की बिजली पैदा करेगा।
महाराणा संसार चंद स्मारक राजकीय महाविद्यालय में रेड रिबन क्लब की ओर से एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्यता एड्स जागरूकता पर आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत विद्यार्थियों द्वारा रैली का आयोजन किया गया जिसका महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो कमल कुमार ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्राचार्य ने यह बताया कि यदि कोई व्यक्ति समय पर नजदीकी परामर्श केंद्र पर जाकर इस बीमारी के बारे में सही जानकारी देता है तो इस बीमारी से बचा जा सकता है। एड्स दिवस पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थीयो ने भाग लिया। इस अवसर पर स्लोगन व भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्राचार्य ने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु रेड रिबन क्लब और विद्यार्थी को बधाई दी। इस कार्यक्रम के तहत एड्स विषय पर विद्यार्थियों ने शॉर्ट वीडियो बनाकर इस जानलेवा बीमारी के दुष्परिणामों पर जानकारी उपलब्ध करवा के विद्यार्थी एवं समाज को जागरूक करने का कार्य किया। इस दौरान कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को जलपान भी दिया गया और रेड रिबन के प्रभारी प्रो प्रेम लता ने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विद्यार्थी को बधाई दी। इस कार्यक्रम में प्रोफेसर कमल, प्रोफेसर रवि पाल सरा, डॉक्टर संजीव कुमार शर्मा, डॉ राकेश शर्मा, डॉक्टर अमित प्रो अल आर नेगी, डॉक्टर शिशुपाल, प्रोफेसर इशु वर्मा ,प्रोफेसर रितु राणा,रणजीत राणा सहायक पुस्तकालय एवं कार्यालय अधीक्षक मनोज सूद उपस्थित रहे।
सिरमौर जिले के हाटी समुदाय ने अनुसूचित जनजाति का दर्जा प्राप्त करने के लिए कठिन एवं लम्बा संघर्ष किया है और उन्हें यह हक जल्द से जल्द दिलाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। यह बात राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज संवैधानिक (अनुसूचित जनजाति) आदेश (द्वितीय संशोधन) अधिनियम, 2023 के कार्यान्वयन और सिरमौर जिले के ट्रांसगिरि क्षेत्र के हाटी को अनुसूचित जनजाति के रूप में अधिसूचित करने के सम्बन्ध में आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ट्रांसगिरि क्षेत्र के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने के सम्बन्ध में अधिसूचना जारी की गयी लेकिन इस अधिसूचना में अस्पष्टता के चलते प्रदेश सरकार ने केंद्र से स्पष्टीकरण मांगा है। केंद्र द्वारा संपूर्ण हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिया गया है लेकिन जिसमें अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग व अन्य वर्ग भी शामिल हैं। जगत सिंह नेगी ने कहा कि कुछ वर्ग ऐसे हैं जो पूर्व में चली आ रही व्यवस्था का हिस्सा बना रहना चाहते हैं। लेकिन केंद्र द्वारा सभी को अनुसूचित जनजाति के दायरे में लाया गया है। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में केंद्र सरकार से स्पष्टीकरण मांगा गया है ताकि हाटी समुदाय की समस्याओं एवं मांगों को लेकर शीघ्र समाधान निकला जा सके। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार चाहती है कि हाटी के लोगों को शीघ्र से शीघ्र अनुसूचित जनजाति से सम्बंधित लाभ मिले। उन्होंने जनजातीय विकास विभाग से कानूनी प्रावधानों के तहत हाटी समुदाय के लोगों को अनुसूचित जनजाति का प्रोविजनल सर्टिफिकेट प्रदान के विकल्प तलाशने को कहा ताकि उन्हें अनुसूचित जनजाति के तहत मिल रही सुविधाएं सुलभ हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों को अपना पक्ष रखने का अवसर प्रदान करेगी और उसी के आधार पर आगामी नीति तैयार की जाएगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस मुद्दे को राजनीतिक दृष्टि से न देखें और यह सुनिश्चित करें कि सभी समुदायों में आपसी भाईचारे एवं सौहार्द की भावना बनी रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस मामले की गंभीरता को समझती है और इस मुद्दे पर केंद्रीय नेतृत्व से बात की जायेगी और स्थायी हल निकला जाएगा।


















































