-दरिणी में 80 लाख से बनने वाले पशु चिकित्सालय का किया शिलान्यास -फसल बीमा योजना मोबाइल वैन को हरी झंडी देकर किया रवाना राज्य के पशु चिकित्सा सेवा के तहत 44 मोबाइल वैन शीघ्र ही चलाई जाएंगी, ताकि पशु पालकों को घर द्वार पर ही पशुओं के उपचार की बेहतर सुविधा मिल सके। यह जानकारी कृषि, पशु पालन मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार चौधरी ने बुधवार को दरिणी में 80 लाख से निर्मित होने वाले पशु चिकित्सालय भवन का शिलान्यास करने के उपरांत एक जनसभा को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा पशु चिकित्सालय भवन के बन जाने से धारकंडी क्षेत्र की दरिणी, रिडकमार, कनोल भलेड़, रुलेड, हारबोह तथा पलोथा पंचायत के हजारों पशुपालकों को और अधिक अच्छी सुविधाएं मिलेंगी। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने आज दरिणी में ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । उन्होंने कहा कि यह मोबाइल वैन गांव-गांव में जाकर किसानों को उनकी फसलों के बारे में बीमा करवाने से संबंधित जानकारी प्रदान करेगी। बीमा करवाने के लिए रबी की फसलों में गेहूं और जौं की फसल को शामिल किया गया गया है । कृषि मंत्री ने कहा कि फसलें खुला धन हैं इनका बीमा अवश्य करवाएं। किसान 15 दिसम्बर तक इसका बीमा करवा सकते हैं। गेहूं के लिए मात्र 36 रुपये प्रति कनाल के हिसाब से बीमा होगा और इसकी एवज में नुकसान होने पर 2400 रुपये मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इस बीमे में बुआई से लेकर कटाई तक सभी रिस्क कवर हैं। कृषि मंत्री ने कहा कि इस धारकंडी क्षेत्र में जाइका के द्वितीय चरण में 115.75 हेक्टेयर जमीन पर खेतीबाड़ी तथा अन्य गतिविधियां शुरू की जा रहीं हैं । इसी के अंतर्गत सल्ली-भलेड़ सिंचाई योजना के अंतर्गत 2 करोड़ 35लाख की धनराशि व्यय की जा रही है । उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वह फसल विविधीकरण पर फोकस करें और नकदी फसलें लगाएं ताकि उनकी आर्थिकी और अधिक सुदृढ़ हो पशु पालनमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही पशुधन की गणना करवाई जाएगी और इस से जुड़े हर परिवार का पोर्टल तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग को ॅभ्व् के पैरामीटर के अनुसार पशुओं की दवाइयां खरीदने के आदेश दिए गए हैं।स्थानीय विधायक केवल पठानिया ने कृषि मंत्री का स्वागत किया व अपने विधानसभा क्षेत्र में आने पर उनका आभार जताया। ठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस धारकंडी क्षेत्र में पर्यटन के लिए करोड़ों की धनराशि का प्रावधान किया है इसके लिए यहां की जनता हमेशा उनकी ऋणी रहेगी ।उन्होंने कहा कि यहाँ पर सड़कों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और निकट भविष्य में यहां के नागरिकों को अच्छी सड़क सुविधा मिलेगी। उन्होंने कृषि मंत्री से आग्रह किया कि इस क्षेत्र में भी दूध कलेक्शन संटर बनाये जाएं ताकि धारकंडी के पशु पालकों को इसका अधिक से अधिक लाभ मिल सके । इस अवसर पर जिप सदस्य ने मुख्यातिथि तथा अन्य आये हुए अन्य मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि इस क्षेत्र का सम्पूर्ण विकास केवल पठानिया की ही देन है। इस अवसर पर बीडीसी के पूर्व सदस्य अक्षय कुमार ने भी अपने विचार रखे ।इस अवसर पर पशु चिकित्सालय भवन के लिए जमीन दान करने वाले अमर चंद, सरन दास तथा ओंकार नाथ को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी ने आज मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के 30 नवम्बर, 2023 के प्रवास के दृष्टिगत सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में तैयारियों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यह सुनिश्चित बना रहे हैं कि आपदा के पीड़ितों को उनके घर-द्वार के समीप विशेष राहत पैकेज के अंतर्गत राहत प्रदान की जाए। सोलन ज़िला में मुख्यमंत्री ठोडो मैदान में यह राहत वितरित करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावितों को पात्रता के अनुसार समय पर राहत मिले। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान करेंगे। संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री ठोडो मैदान में श्रीनिवास रामानुजन डिजिटल छात्र योजना के तहत मेधावी छात्रों को लैपटॉप भी वितरित करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रवास के दृष्टिगत ठोडो मैदान में विभिन्न तैयारियों का जायज़ा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों को कार्यक्रम से सम्बन्धित निर्देश जारी किए। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने मुख्यमंत्री के प्रवास कार्यक्रम एवं तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने के लिए काऊशुंग मेडिकल यूनिवर्सिटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने शूलिनी विश्वविद्यालय का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल में केएमयू के तीन प्रतिष्ठित प्रोफेसर प्रो. शिह-शिन लियांग, प्रो. चिएन-हंग ली और केएमयू के प्रो. चाई-लिन काओ। उन्होंने एसयू की अपनी पांच दिवसीय यात्रा के दौरान सहयोग के विभिन्न पहलुओं का पता लगाया, जिससे दोनों संस्थानों के बीच संबंध मजबूत हुए। दोनों विश्वविद्यालयों के बीच सहयोग के लिए पहले से ही एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) है, जिसके परिणामस्वरूप सात शूलिनी छात्र केएमयू में पूरी तरह से वित्त पोषित इंटर्नशिप अवसरों से लाभान्वित हो रहे हैं। इन छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने इस सहयोग को बढ़ाने के लिए केएमयू की उत्सुकता को बढ़ा दिया है। यात्रा के दौरान चर्चाएं विशेष रूप से जीवन विज्ञान, रसायन विज्ञान और फार्मास्युटिकल विज्ञान के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के विस्तार पर केंद्रित थीं। चांसलर प्रो. पीके खोसला और अनुसंधान के डीन प्रो. सौरभ कुलश्रेष्ठ के साथ एक बैठक में, आगामी संयुक्त सम्मेलन के लिए आधार तैयार करते हुए, संयुक्त पीएचडी और मास्टर डिग्री पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तार से चर्चा की गयी। केएमयू के प्रतिनिधि शूलिनी विश्वविद्यालय की विश्व रैंकिंग और अनुसंधान ताकत से प्रभावित हुए और उन्होंने संयुक्त अनुसंधान पहल को बढ़ावा देने में गहरी रुचि व्यक्त की। शूलिनी विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय मामलों के निदेशक प्रो. आरपी द्विवेदी ने कहा कि इस साल शूलिनी विश्वविद्यालय द्वारा 25 से अधिक छात्रों को ताईवान में स्कॉलरशिप दी गई।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की एसएफआई इकाई ने विभिन्न छात्र मांगों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे। एस एफ आई ने सर्वप्रथम परीक्षा नियंत्रक को इआरपी सिस्टम को सुधारने, यूजी-पीजी के परीक्षा परिणाम को जल्द घोषित करने तथा चंबा व कांगड़ा जिला के छात्रों को पीजी एग्जाम सेंटर भरने में आ रही है दिक्कतों से अवगत कराया। एसएफआई ने परीक्षा नियंत्रक से छात्रों को आ रही इन समस्याओं पर जल्द से जल्द संज्ञान लेते हुए इन्हें हल करने की मांग की। इसके पश्चात एसएफआई ने प्रति कुलपति को ज्ञापन सौंपा। जिसमें एस एफ आई ने मांग की कि हाल ही में जमा दो के कंपार्टमेंट के पेपर में पास हुए छात्रों को यूजी प्रथम वर्ष में ऐडमिशन दी जाए। एस एफ आई ने कहा कि प्रदेश शिक्षा बोर्ड ने जमा दो के कंपार्टमेंट के परीक्षा परिणामों को देरी से घोषित किया जिसकी वजह से छात्रों का एक साल बर्बाद हो रहा है। इसलिए एसएफआई ने मांग की कि उन छात्रों को लेट कॉलेज कैपेसिटी से एडमिशन दी जाए । इसके अलावा एसएफआई ने प्रति कुलपति से मांग की कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय लाइब्रेरी के जनरल सैक्शन को 24 घंटे के लिए खुला रखा जाए तथा साथ ही साथ हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी में सेंट्रल हीटिंग सिस्टम लगवाया जाए। एसएफआई ने कहा कि आने वाले दिनों में विभिन्न परीक्षाएं होनी है जिनकी तैयारी छात्र लाइब्रेरी में बैठकर करता है परंतु लाइब्रेरी में छात्रों को बैठने की प्राप्त सुविधा नहीं है। इसीलिए हिमाचल प्रदेश लाइब्रेरी के एक सैक्शन को 24 घंटे के लिए खुला रखा जाए तथा ठंड के इस मौसम में छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो इसके लिए सेंट्रल हीटिंग सिस्टम की सुविधा लाइब्रेरी के अंदर प्रदान की जाए । एसएफआई ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन इन छात्र मांगों को जल्द से जल्द पूरा नहीं करता है तो एसएफआई आने वाले समय में आम छात्रों को लामबंद करते हुए आंदोलन के अंदर जाएगी जिसका जिम्मेदार यूनिवर्सिटी प्रशासन होगा।
- बोले, सड़क निर्माण के साथ बेहतर रखरखाव राज्य सरकार की उच्च प्राथमिकता लोक निर्माण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज नूरपुर और इंदौरा विधानसभा में लगभग 16 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़कों और पुल के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत 6 करोड़ 37 लाख की लागत से पंजासरा से चरूड़ी वाया चैधरियां सड़क के स्तरोन्नयन कार्य तथा सुखार से सलाहन सड़क की छौंछ खड्ड पर 1 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पुल का शिलान्यास किया। विक्रमादित्य सिंह ने इसके उपरांत इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के तहत 8 करोड़ 36 लाख रूपए की लागत से बनने वाली सौरनारा ब्रह्मणा टप्पा सड़क के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा है कि सड़कों के निर्माण के साथ बेहतर रखरखाव सरकार की उच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के विकास में सड़क नेटवर्क का मजबूत होना विशेष महत्व रखता है। विशेषकर पहाड़ी राज्य में सड़कें ही आवाजाही का मुख्य साधन है जिस कारण सड़कों की अहमियत और भी ज्यादा रहती है। उन्होंने कहा कि सड़कें बनाना ही हमारा उद्देश्य नही है बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी हमारा दायित्व है। प्रदेश सरकार यात्रियों और पर्यटकों को बेहतरीन सम्पर्क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। जिसके लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। लोगों की मांगों पर लगाई मुहर उन्होंने इस दौरान स्थानीय लोगों की मांगों को स्वीकार करते हुए नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चरूड़ी में दो खेल मैदानों के रख-रखाव के लिए 5 लाख रूपये देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन खेल मैदानों के स्तरोन्नयन के लिए यदि और पैसों की जरूरत होगी तो उसे भी उपलब्घ करवाया जाएगा। उन्होंने सुखार पंचायत में एक जिम और एक बैडमिंटन कोर्ट बनाने की घोषणा भी यहां की। उन्होंने अधिकारियों को चरूड़ी में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी भवन के निर्माण कार्य में आ रही रूकावटों को दूर कर इसका निर्माण कार्य जल्द शूरू करने के निर्देश भी दिए। इंदौरा में की विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक विक्रमादित्य सिंह ने इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के कंदरोड़ी में विभागीय अधिकारियों से बैठक कर बरसात के दौरान हुए नुकसान का ब्यौरा लिया। इस दौरान विधायक इंदौरा मलेंद्र राजन भी उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आपदा के दौरान सार्वजनिक सुविधाओं को हुई क्षति को ठीक करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारिओं को सड़कों के निर्माण में सुरक्षा मापदंडों का कड़ाई से अनुपालन करने के साथ इसकी गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा समयबद्धता सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। इन सड़कों का किया निरीक्षण लोक निर्माण मंत्री ने बीते मानसून सीजन में बाढ़ से प्रभावित इंदौरा विधानसभा के मंड क्षेत्र का दौरा कर क्षतिग्रस्त सड़कों व पुलों का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने क्षतिग्रस्त सिविल एन्क्लेव सड़क तथा डमटाल-कंडवाल सड़क का निरीक्षण भी किया। बैठक में ये रहे उपस्थित इस दौरान विधायक इंदौरा मलेंद्र राजन, पूर्व विधायक अजय महाजन, जिला अध्यक्ष करण पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नूरपुर सुशील मिंटू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंदौरा देवेंद्र मनकोटिया, एसडीएम इंदौरा डॉ. सुरेंद्र ठाकुर, एसडीएम नूरपुर गुरसिमर सिंह, डीएसपी विशाल वर्मा, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग अनिता वैद्य सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेदव्यास परिसर में आयोजित उत्तर क्षेत्रीय युवमहोत्सव के दूसरे दिन विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं व अन्य शैक्षणिक प्रतियोगिताएं करवाई गईं। लड़कों की 1500 मीटर दौड़ में जम्मू परिसर, 100 मीटर दौड़ लड़कियोंं में वेद व्यास परिसर की वंशिका ठाकुर, लड़कियों की खो-खो स्पर्धा में वेद व्यास परिसर, वॉलीबाल में जम्मू परिसर, 100 मीटर दौड़ (लड़के) जम्मू परिसर, कुश्ती के 57 किलो भार वर्ग में वेद व्यास परिसर के कुशव, 61 किलो भार वर्ग में लवेश वेद व्यास परिसर, 65 किलो भार वर्ग में जम्मू परिसर, 70 किलो भार वर्ग में पंकज शर्मा( वेद व्यास परिसर), 74 किलो भार वर्ग में आयुष शर्मा (वेद व्यास परिसर), लड़कियों की ऊंची कूद में ईशा (वेद व्यास परिसर), लड़कों में लवेश (वेद व्यास परिसर) तथा गिरीश भट्ट (देवप्रयाग), लॉन्ग जंप लड़कियों में वंशिका (वेद व्यास परिसर), लॉन्ग जंप लड़कों में गिरीश भट्ट (देवप्रयाग परिसर) विजयी रहे। वेदव्यास परिसर बलाहर के शारीरिक शिक्षा उप निदेशक डॉ. संजय मनकोटिया ने बताया कि कबड्डी की फाइनल मुकाबले के साथ ही इस तीन दिवसीय युवमहोत्सव का समापन 30 नवंबर को किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने चंबा के पूर्व भाजपा विधायक बीके चौहान के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है। साथ ही शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है।
राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परागपुर में स्कूल के रोड सेफ्टी क्लब के सौजन्य से रोड सेफ्टी के ऊपर एक कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य सीमा कौशल के नेतृत्व में किया गया। इसमें पुलिस थाना देहरा से एएसआई रवि कुमार ट्रैफिक इंचार्ज और उनके साथ पवन कुमार विशेष रूप से उपस्थित रह। यह जानकारी रोड सेफ्टी क्लब के नोडल अफसर अरविंद ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में रवि कुमार ने बच्चों को ट्रैफिक नियमों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बच्चों को सीख दी कि बिना हेलमेट के दोपहिया बाहन विलकुल भी न चलाएं। सीट बेल्ट का प्रयोग करें और गाड़ी चलाते समय मोबाइल का प्रयोग भी न करें, ताकि खुद का भी जीवन सुरक्षित रहे और दूसरों का भी जीवन सुरक्षित रहे। कार्यक्रम में लगभग 220 बच्चों और सभी अध्यापकों एवं बीएड के प्रशिक्षु अध्यापकों ने भाग लिया।
श्री श्याम परिवार सोलन (ट्रस्ट) के सदस्यों ने आज स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल के साथ मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में एक लाख एक हजार का चेक मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भेंट किया। संस्था की ओर से चेयरमैन राकेश अग्रवाल, प्रधान त्रिलोक अग्रवाल, पुनीत अग्रवाल व अन्य उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ने इस परोपकारी कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। संस्था के मुख्य सलाहकार अशोक गुप्ता ने कहा की श्री श्याम परिवार सोलन (ट्रस्ट) धार्मिक कार्यों के साथ समाजिक कार्यों में भी यथासंभव योगदान करने का प्रयास में लगी है। गुप्ता ने कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करना भी एक बहुत बड़ा धार्मिक कार्य है।
-कहा, समाज में अपराधों को बढ़ावा देता है नशा, दूर रहें युवा -करसोग कॉलेज में नशा मुक्ति पर कार्यक्रम का हुआ आयोजन राजकीय महाविद्यालय करसोग में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से नशा मुक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सिविल जज कम सब-ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट राहुल वर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि आज का युवा कल का भविष्य है, परंतु नशा युवाओं को अंदर ही अंदर खोखला कर रहा है। उन्होंने कहा कि नशा समाज में अपराधों को बढ़ावा देता है, इसलिए युवाओं को नशे जैसी बुरी प्रवृतियों से बचना चाहिए। सोशल साइट्स का गलत इस्तेमाल भी युवाओं को अपराध की दुनिया में धकेल सकता है, इसलिए सोशल साइट्स का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतनी चाहिए। छात्रों को दृढ़ निश्चय के साथ यह संकल्प लेना चाहिए कि न तो मैं खुद नशा करूंगा और न ही दूसरों को करने दूंगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करवाना अति आवश्यक है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे अपने घर, समाज, स्कूल और कॉलेज में अन्य लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों से अवगत करवाएं और नशे के खात्मे के लिए आवाज उठाए। मुख्य अतिथि ने कहा कि कॉलेज के छात्र वाहनों को चलाते समय यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वैध लाइसेंस होने पर ही वाहनों का इस्तेमाल करना चाहिए व दोपहिया वाहनों को चलाते समय हेलमेंट का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि सभी छात्र व नागरिक यातायात नियमों का पालन करे ताकि करसोग में यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे। इस दौरान नागरिक चिकित्सालय करसोग से मेडिकल ऑफिसर आबरू गुप्ता ने ड्रग एब्यूज के विषय में छात्रों को विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, मानसिक तनाव, व परीक्षा में असफलता कुछ ऐसे कारण है जिससे छात्र तनाव का शिकार होकर नशा करना शुरू कर देते है। उन्होंने कहा कि छात्रों को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए और नशे जैसी बुराई से स्वयं के साथ साथ दूसरों को भी बचाना चाहिए। कार्यक्रम में तहसील कल्याण अधिकारी करसोग, भोपाल शर्मा ने छात्रों को नशे से बचाव के साथ, सामाजिक न्याय एवम अधिकारिता विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय करसोग के छात्रों द्वारा स्लोगन राइटिंग व पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विजेता प्रतिभागियों को मुख्यतिथि ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान राजकीय महाविद्यालय करसोग के प्रोफेसर पंकज गुप्ता सहित अन्य प्राध्यापक गंण भी उपस्थित थे।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि करुणा, सहानुभूति और समुदाय की भावना व्यक्तियों और उनके परिवारों को भावनात्मक सहयोग और ऊर्जा प्रदान कर सकती है क्योंकि उन्हें कैंसर के इलाज के दौरान कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। राज्यपाल आज गेयटी थिएटर, शिमला में सिमला सैनिटेरियम एंड ऑस्पिटल ऑफ सेवेंथ-डे एडवेंटिस्ट्स द्वारा 'कैंसर-एक बढ़ती चिंताÓ विषय पर आयोजित सम्मेलन में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कैंसर एक चिंताजनक विषय है, जिसने दुनिया भर में अनगिनत व्यक्तियों के जीवन पर असर डाला है और मौजूदा चुनौती बन गया है, जो न केवल नैदानिक व्यक्तियों बल्कि उनके परिवारों, दोस्तों और समुदायों को भी बड़े पैमाने पर प्रभावित कर रहा है। उन्होंने कहा कि कैंसर अपने विभिन्न रूपों में एक वैश्विक स्वास्थ्य संकट बन गया है और हमें इस पर ध्यान देने, संसाधनों और सहयोगात्मक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कैंसर में प्रत्येक आंकड़े के पीछे एक व्यक्तिगत कहानी, एक मानवीय चेहरा और इस बीमारी के निरंतर बोझ से प्रभावित एक समुदाय है। राज्यपाल ने कहा कि हर साल एक करोड़ लोग कैंसर से जान गंवाते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की रिपोर्ट के अनुसार कैंसर दुनिया भर में मौत का दूसरा प्रमुख कारण है, जो लगभग छह में से एक मौत के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा प्रगति के अलावा कैंसर का सामना करने वाले लोगों के लिए भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने व्यापक और सहयोगात्मक दृष्टिकोण पर बल देते हुए कहा कि यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम ऐसी स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियों की वकालत करें और उनमें निवेश करें जो शुरुआती जांच और हस्तक्षेप को प्राथमिकता देती हैं। सम्मेलन में यह अवगत करवाया गया कि वर्ष 2020 में इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (आईएआरसी), डब्ल्यूएचओ द्वारा जारी विश्व कैंसर रिपोर्ट से पता चला कि एशिया में इस घातक बीमारी के वैश्विक मामलों का 49.3 प्रतिशत हिस्सा है। इससे भी अधिक चिंताजनक बात यह है कि 2020 से 2040 तक एशिया में कैंसर के नए मामलों में 59.2 प्रतिशत की वृद्धि होगी। राष्ट्रीय कैंसर रजिस्ट्री कार्यक्रम रिपोर्ट, 2020 के अनुसार भारत में कैंसर से पीड़ित लोगों की अनुमानित संख्या लगभग 2.7 मिलियन है और हर साल कैंसर के लगभग 1.39 मिलियन मामले पंजीकृत होते हैं, जिसके 2040 तक बढ़कर 20 लाख होने का अनुमान लगाया गया है।
समाजसेवी मुकेश कुमार ने नगर परिषद देहरा के अंतर्गत बन रही एक बहुमंजिला इमारत की शिकायत टीसीपी डायरेक्टर, एसडीएम देहरा सहित अन्य अधिकारियों से की है। मुकेश कुमार ने ईमेल के माध्यम से सभी अधिकारियों को इस संदर्भ में एक शिकायत पत्र सौंपा है। उनका आरोप है कि देहरा मेन टाउन में धड़ल्ले से नियमों को ताक पर रख कर इमारतों का निर्माण हो रहा है, जिसमें प्रशासन भी मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने कहा है कि जो भी लोग इनका निर्माण कर रहे हैं, उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। बता दें कि मेन बाजार देहरा में 6 मंजिला इमारत के निर्माण को लेकर स्थानीय विधायक होशियार सिंह ने भी ईओ से रिपोर्ट तलब की है, जिसकी मुकेश कुमार ने सराहना की है। मुकेश कुमार ने ज्वालाजी में संचालित एक होटल द्वारा अवैध तरीके से लिफ्ट लगाने की शिकायत भी की थी, जिसपर भी रोक लगी है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति आचार्य राजिंद्र वर्मा को आज विश्वविद्यालय की एसएफआई इकाई के पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में मांग की गई है कि महाविद्यालयों में लेट कॉलेज कैपेसिटि प्रवेश दिया जाना चाहिए। विश्वविद्यालय के पुस्तकालय के सामान्य और कोल्ड अनुभाग को 24 घण्टों के लिए खुला रखा जाए। विद्यार्थियों ने पुस्तकालय में सेंटरल हीटिंग सिस्टम भी उपलब्ध करवाने की मांग की है। प्रति कुलपति ने एसएफआई के पदाधिकारियों की मांगों को पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
डाक विभाग ने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से ग्राहकों के लिए पर्सनल दुर्घटना बीमा की शुरुआत की है। यह जानकारी अधीक्षक डाकघर सोलन मंडल सपरुन राम देव पाठक ने दी। राम देव पाठक ने कहा कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से ग्राहकों को 396 रुपये व 399 रुपये में 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 10 लाख रुपये के पर्सनल दुर्घटना बीमा के साथ उपभोक्ताओं को अतिरिक्त लाभ भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इस पॉलिसी के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए ग्राहक अपने समीप के डाकघर कार्यालय या इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक शाखा सोलन के प्रबंधक आशीष ठाकुर से संपर्क कर सकते हैं। अधीक्षक डाकघर ने सभी लोगों से इसका लाभ उठाने का आग्रह किया।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 नवंबर को सोलन जिला के चंबाघाट फीडर के तहत आने वाले क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 30 नवंबर को बसाल, कालाघाट एवं आस-पास के क्षेत्रों में प्रात: 10 बजे सायं 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि खराब मौसम अथवा अन्य कारणों से उपरोक्त निर्धारित तिथि एवं समय में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने चंबा सदर के पूर्व विधायक बाल कृष्ण चौहान के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। अपने शोक संदेश में कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि बाल कृष्ण चौहान प्रखर वुद्वि के स्वामी होने के साथ-साथ जमीन से जुड़े नेता थे। वे एक प्रखर वक्ता तथा सीधे तौर पर गरीबों, असहायों तथा समाज में पिछड़े वर्ग की सहायता हेतु तत्पर रहते थे। उनके निधन से प्रदेश को अपूर्णीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई करना मुश्किल है। पठानिया ने कहा कि बाल कृष्ण चौहान चंबा सदर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे। उनका विधानसभा के सदस्य के रूप में कार्यकाल उत्कृष्ट तथा अविस्मरणीय रहा है। पठानिया ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है तथा संपूर्ण परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की परम पिता परमात्मा से प्रार्थना की है व दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।
-विद्यार्थियों-शिक्षकों को समय पर सामग्री और जानकारी उपलब्ध करवाएगा केंद्र राज्य सरकार की अभिनव पहल विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में निर्णायक कदम है। यह केंद्र एआई तकनीक को एकीकृत करके डेटा विश्लेषण के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रशासकों को समय पर सामग्री और जानकारी उपलब्ध करवाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि स्विफ्टचैट एआई हिमाचल प्रदेश के सभी स्कूलों में प्रौद्योगिकी और डाटा संचालित संस्थागत प्रणाली में सक्षम करेगा। यह केंद्र इन टूलकिट के डाटा को राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर के लिए डैशबोर्ड और रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। इससे छात्र की प्रगति, शिक्षक प्रशिक्षण और स्कूल के समग्र प्रदर्शन संबंधी डाटा उपलब्ध होगा। वास्तविक समय में प्रतिक्रिया और सुधार के आधार पर शिक्षक, शिक्षण संबंधी रणनीतियों में सकारात्मक बदलाव किया जाएगा ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को सीखने के अवसर प्रदान किए जा सके। वीएसके विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षण की ज्ञानता प्रदान करता है, जिससे उनकी वैश्विक सामग्री और जानकारी तक सार्वभौमिक पहुुंच सुनिश्चित होती है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल होम लर्निंग तथा अनुभव प्रदान कर शैक्षिक असमानताओं को समाप्त करना है। चैटबॉट पर साप्ताहिक अभ्यास विद्यार्थियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर उत्तर तथा जानकारीपूर्ण वीडियो के साथ पाठयक्रम के अनुरूप उन्हें विषयों को सुदृढ़ करने में मदद करता है। विद्यार्थी विभिन्न भाषाओं में गणित का अभ्यास कर सकते हैं और वीडियो देख कर अपने संदेह दूर कर सकते हैं। चैटबॉट विद्यार्थियों की आवाज का उपयोग कर विभिन्न भाषाओं का उपयोग कर, क्विज के माध्यम से सामान्य ज्ञान और ज्ञानवर्द्धन कर उनकी शिक्षा में गुणात्मक सुधार में सहयोग करता है। चैटबॉट विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को ऑन डिमॉंड (आवश्यकतानुसार) कार्य योजना, पाठ तैयार करना, वर्कशीट और वीडियो बनाने में भी सहायता प्रदान करता हैै। इससे शिक्षक समयबद्ध शिक्षण सामग्री तैयार कर सकते हैं और विद्यार्थियों के रिपोर्ट कार्ड का त्वरित अध्ययन करने के साथ-साथ उनकी उपस्थिति दर्ज कर सकते हैं। चैटबॉट शिक्षण विधियों को विद्यार्थी अनुकूल बनाने में सहायता करता है। इसके माध्यम से अभिवावक शिक्षा संबंधी प्रश्नों का समाधान कर सकते हैं। इसके माध्यम से प्रशासक राज्य स्तर पर शैक्षणिक प्रदर्शन का मूल्यांकन कर सीखने के परिणामों के आधार पर रणनीति, योजना और प्रशिक्षण पहल का मूल्यांकन कर सकते हैं, जिसके माध्यम से राज्य स्तर पर प्रशासक विद्यार्थी, अध्यापक और विद्यालय संबंधी जानकारी अपडेट कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र एआई चैटबॉट के माध्यम से विद्यार्थियों के एक डिजिटल साथी के रूप में, शिक्षक को शिक्षण में सहायक और प्रशासक को महत्वपूर्ण डाटा उपलब्ध करवाएगा। चैटबॉट का डेटा शिक्षकों को विद्यार्थी आधारित रणनीतियों को समायोजित करने में सशक्त बनाता है, जिससे विद्यार्थियों के प्रदर्शन में और सुधार होगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ऊना विधानसभा क्षेत्र में पढ़ाई में अव्वल रहे छात्रों को दो दिसंबर को टैबलेट्स बाटेंगे। यह पूरा कार्यक्रम जिला मुख्यालय में पुराने वस अड्डे के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी हिमाचल जिला ऊना उप निदेशक शिक्षा देवेंद्र सिंह चंदेल ने दी। मेधावी विद्यार्थियों का पंजीकरण ठीक 9:30 बजे प्रात: शुरू होगा, ताकि सभी की बैठने की व्यवस्था की जा सके और टेबलेट वितरण समारोह सुचारू रूप से किया जा सके। उन्होंने बताया कि 2 दिसंबर को ऊना विधानसभा क्षेत्र के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के 2021-22 सत्र के मैट्रिक, 10 + 2 और महाविद्यालय के कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय के हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट बाटेंगे। कार्यक्रम में बच्चों को अपना पहचान प्रपत्र संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य/मुखिया से प्रमाणित करवाना अनिवार्य है। यदि विद्यार्थी उच्च शिक्षा हेतु स्वयं नहीं आ सकता तो विद्यार्थी के माता-पिता प्रमाणित पहचान पत्र के साथ अपना स्वयं का भी पहचान पत्र साथ लेकर आएं। संबंधित विद्यार्थी या माता-पिता को पहचान पत्र दिखाने पर ही टैबलेट दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व विधायक और झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव बीके चौहान के निधन पर शोक व्यक्त किया है। बीके चौहान का आज तड़के दिल्ली में निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे। बीके चौहान वर्ष 2007 से 2012 और 2012 से 2017 तक दो बार हिमाचल के चंबा सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए उनका सराहनीय योगदान है। समाज के हर वर्ग के कल्याण के प्रयासों के लिए उन्हें याद किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
-दिल्ली स्थित एम्स में ली अंतिम सांस, कल होगा अंतिम संस्कार चंबा सदर के पूर्व विधायक बाल कृष्ण चौहान का बुधवार सवेरे दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में 76 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह अपने पीछे पत्नी और एक बेटा व बेटी छोड़ गए हैं। बाल कृष्ण चौहान का अंतिम संस्कार गुरुवार को पैतृक गांव कुंडी में होगा। बिहार कैडर के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी बाल कृष्ण चौहान ने सरकारी सेवा के बाद वर्ष 2003 में सक्रिय राजनीति में पर्दापण किया था। उन्होंने वर्ष 2003 में भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा था। पहले चुनाव में हार का सामना करने के बाद बालकृष्ण चौहान ने आगामी दो चुनावों में शानदार जीत दर्ज करते हुए वर्ष 2007 से लेकर 2017 तक लगातार चंबा सदर हलके का प्रतिनिधित्व किया। पूर्व विधायक के निधन पर चुराह के विधायक हंसराज, डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर, भरमौर-पांगी के विधायक डॉक्टर जनक राज, पूर्व विधायक पवन नैय्यर, जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज नरयाल व प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य जसवीर नागपाल ने गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्राप्त करने के साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की है।
-अदालत ने चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजी थाना कंडाघाट के तहत लाखों रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने आरोपी को पंजाब के मोहाली से धर-दबोचा है। उसे अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। जानकारी के अनुसार 29 दिसंबर, 2021 को वाकनाघाट निवासी हिरानंद मोदगिल व 9 अन्य स्थानीय निवासियों द्वारा संयुक्त रूप से पुलिस थाना कंडाघाट में लिखित में एक शिकायत दर्ज करवाई गई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि मनजीत सिंह नाम का एक व्यक्ति, जो वाकनाघाट में अपने परिवार सहित लक्ष्मी दत्त के मकान में रहता था, ने अपनी बेटी के साथ मिलकर इन लोगों के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी की है। उसने खुद को आर्मी का ठेकेदार बताकर इन लोगों की दुकानों से सरिया, सीमेंट, बजरी, रेत तथा राशन खरीदा, लेकिन भुगतान नहीं किया। इतना ही नहीं उसने इन लोगों से पैसे भी उधार लिये थे। मनजीत सिंह ने इन लोगों से करीब 30 लाख रुपये की ठगी की है। यह व्यक्ति ठगी करने के उपरांत परिवार सहित 27 दिसंबर, 2021 से गायब हो गया था। इस शिकायत पर थाना कंडाघाट में मनजीत सिंह के खिलाफ अभियोग 30-12-2021 धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में पंजीकृत किया गया था। इस अभियोग के अन्वेषण के दौरान पाया गया कि आरोपी मनजीत सिंह ने वाकनाघाट में जिन लोगों से उपरोक्त सामान खरीद किया था, उन्हें जो बैंक चेक दिये थे, वह इसकी पुत्री मनप्रीत कौर द्वारा हस्ताक्षरित थे तथा उपरोक्त सामान के बिल भी मनप्रीत कौर के नाम पर ही जारी थे। आरोपियों द्वारा दिए गए चेक बाउंस हो गए और विक्टिम्स का पैसा इन्होंने हड़प लिया। पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि मनप्रीत कौर ने अपने पिता के साथ मिलकर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। इन सभी आरोपियों ने अपने आधार कार्ड जाली दिये और कोई स्थायी पते की जानकारी नहीं दी और अपना पता भी झूठा बताया, जिसके चलते अभियोग में पुलिस टीम कई बार जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों में इनकी छानबीन कर चुकी थी और सभी जगह पर झूठे पते पाए गए। इस अभियोग के अन्वेषण के दौरान थाना कंडाघाट की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए सहारनपुर से आरोपी की शिनाख्त पक्की की और 27 दिसंबर, 2023 को आरोपी मनप्रीत कौर पुत्री मनजीत सिंह को मोहाली से गिरफ्तार किया गया है, जिसे 28 दिसंबर दिन मंगलवार को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों द्वारा इस धोखाधड़ी को अंजाम देने में प्रयोग किए गए 2 वाहनों, टाटा सफारी और होंडा अमेज को भी जब्त किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के एनसीसी कैडेट्स ने प्रथम छात्र वाहनी एनसीसी सोलन के मार्गदर्शन से एनसीसी सप्ताह मनाया। इस सप्ताह के दौरान एनसीसी कैडेट्स द्वारा अनेक गतिविधियां ड्रिल, चित्रकला, भाषण प्रतियोगिताएंं करवाई गईं और कुनिहार में नशा निवारण पर रैली निकाली कर लोगों को जागरूक भी किया। जानकारी देते हुए विद्यालय के एनसीसी अधिकारी अमर देव ने बताया कि विद्यालय में एनसीसी सप्ताह मनाया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिता करवाई गईं और सभी विजेता, उप विजेता कैडेट्स को विद्यालय प्रधानाचार्य द्वारा पारितोषिक देकर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने एनसीसी कैडेटों को एनसीसी सप्ताह के मनाए जाने की बधाई दी। विद्यालय प्रधानाचार्य ने सभी कैडेट्स को एनसीसी प्रमाण पत्र का महत्व, कैडेट्स को एकता और अनुशासन, सामजिक सेवा और देश के लिए सेवा भाव जागरूक किया और कैडेट्स को भारतीय सेना में सेवाएं देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन करने के लिए एएनओ अमर देव की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय मुख्याधापिका सुषमा शर्मा और अन्य अध्यापक वर्ग मौजूद रहे।
-28 अध्ययन केंद्रों में स्थापित किए परीक्षा केंद्र -1 दिसंबर से 9 जनवरी तक आयोजित होगी परीक्षा इग्नू के टर्म एंड इग्जाम दिसंबर माह की पहली तारीख से शुरू होंगे, जो अगले वर्ष 9 जनवरी तक चलेंगे। इन परीक्षाओं के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय ने देश भर में विभिन्न परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। इसके अतिरिक्त जेल बंदियों के लिए कारागारों (जेलों) में तथा विदेशों में भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा के लिए हिमाचल प्रदेश में विभिन्न जिलों में 28 इग्नू अध्ययन केंद्रों स्थापित किये गए हैं, जहां ये परीक्षा करवाई जाएगी। इन केंद्रों में 29,000 से अधिक विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इग्नू के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. जोगिंद्र कुमार यादव ने बताया कि परीक्षा केंद्रों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी विद्यार्थी के पास प्रवेश पत्र नहीं है और उसका नाम उपस्थिति सूची में अंकित हंै, ऐसी स्थिति में विद्यार्थी को परीक्षा में बैठने के लिए अनुमति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय/सरकार द्वारा जारी वैद्य पहचान पत्र उनके पास होना चाहिए।
शिक्षा खंड इंदौरा के अंतर्गत पड़ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भोग्रवां में सड़क सुरक्षा क्लब द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात के नियमों के पालन के प्रति जागरूकता लाने के लिए चित्रकला, लेखन तथा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्लब के नोडल अधिकारी ओम स्वरूप ने बताया कि इस क्लब में विद्यालय के 100 छात्र-छात्राएं सदस्य हैं, जो विभिन्न गतिविधियों द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति सामाजिक जागृति पैदा कर रहे हैं, क्लब द्वारा इस संदर्भ में एक रैली भी निकल गई। उन्होंने बताया कि चित्रकला में साक्षी, रिया और विशाल पहले ,दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे जबकि नारा लेखन में देवांश ने पहला, तान्या ने दूसरा, संयोगिता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में हिमानी प्रथम स्नेहा ठाकुर दूसरे स्थान अंजू देवी व रुचि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रामकृष्ण शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा व यातायात के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया, इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता में अव्वल आने वाले छात्रों को परिष्कृत किया। इस उपलक्ष्य पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि विधानसभा सचिवालय ने आज राज्यपाल की संस्तुति पर चौदहवीं विधानसभा के चतुर्थ सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है। पठानिया ने कहा कि यह शीतकालीन सत्र 5 दिनों का होगा तथा इसमें 5 बैठकें आयोजित की जाएंगी। पठानिया ने कहा कि 21 दिसंबर का दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सत्र का शुभारंभ 19 दिसंबर को पूर्वाह्न 11 बजे होगा। पठानिया ने कहा कि सत्र की अधिसूचना जारी होने के साथ ही अब सदस्य प्रश्नों से संबंधित सूचनाएं विधानसभा सचिवालय को ऑनलाइन तथा ऑफ लाइन दोनों माध्यम से भेज सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा 20 नवंबर को अधिसूचित वन मित्र योजना के तहत वन मित्रों की भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 30 नवंबर से आरंभ होगी। इच्छुक उम्मीदवार वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय,कोटि (वन मंडल शिमला) से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन फार्म जमा करवाने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर निर्धारित की गई है। शैक्षणिक, शारीरिक योग्यता, आयु मापदंड एवं अन्य भर्ती नियम/शर्तें वन विभाग, हिमाचल प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। वन परिक्षेत्र कोटि (वन मंडल शिमला) की जिन वन बीटों के आवेदन किया जाना है, उनमें फानीऑट,वन बीट, भालावग, वन बीट, मालनशील, वन बीट, करौली, वन बीट शामिल हैं।
नगरोटा बगवां के जसौर में हुए डबल मर्डर के मुख्य आरोपी को मंगलवार को कांगड़ा की अदालत में पेश किया गया, जहां उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने छह दिन के रिमांड की मांग की थी, जिसके चलते अदालत ने मामले की गंभीरता को समझते हुए पांच दिन का रिमांड मंजूर किया है। नगरोटा पुलिस इस दौरान आरोपी से पूछताछ कर उसे पुन: दो तारीख को अदालत में पेश करेगी। काबिलेजिक्र है कि अपने सगे भाई और भाभी को जायदाद के विवाद के चलते मौत के घाट उतारने वाला मुख्य आरोपी गत दो नवंबर से फरार था तथा रविवार को देर रात उसने जिला पुलिस मुख्यालय में आत्मसमर्पण कर ख़ुद को पुलिस के हवाले कर दिया था। सोमवार को राजकीय अवकाश के चलते उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। आरोपी पर सगे भाई सहित दोहरे हत्याकांड का मामला दर्ज है । नगरोटा पुलिस भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 452, 120 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 व 59 के तहत मामले की जांच कर रही है।
-शादी की बारात की 50 से अधिक गाड़ियां भी फंसी, दो घंटे बाद खुला जाम रेणुका जी मेले के आखिरी दिन रेणुका जी-हरिपुरधार मार्ग पर सोमवार देर शाम को आज तक का सबसे बड़ा जाम लग गया। मेले से वापस लौट रहे 300 से अधिक वाहन करीब दो किलोमीटर लंबे जाम में फंस गए, जिसके कारण एक हजार से अधिक लोगों को दो घंटे तक भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नाहन से हरिपुरधार आ रही एक शादी की बारात की 50 से अधिक गाड़ियां भी जाम में फंस गईं, जिसके कारण करीब 200 से अधिक बरातियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आखिर क्यों लगा जाम रेणुका जी हरिपुरधार मार्ग पर कालत के समीप दीपू कोच की एक बस में शाम करीब पांच बजे अचानक खराबी गई थी। बस इसे स्थान पर खराब हो गई थी जहां से बड़े वाहन निकालना तो दूर की दो पहिया वाहन भी नहीं निकल पा रहे थे। अंतर राष्ट्रीय मेले का आखिरी दिन होने के कारण भारी संख्या में लोग अपने निजी वाहनों व बसों से अपने घर लौट रहे थे, लेकिन सड़क बंद होने के कारण सभी लोग कालत में ही फंस गए। कड़ाके की ठंड में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस जुगाड़ से चंद मिनटों में खुला जाम कालट के समीप बस की प्रेशर पाइप फट गई थी। संगड़ाह से पाइप भी मंगवाई गई, मगर किसी कारण वंश पाइप फिट नहीं हो सकी, जिसके कारण जाम खुलने में तीन से चार घंटे का समय और लग सकता था। इतफाक से शादी वाली गाड़ी में हरिपुरधार के एक मैकेनिक गोपाल भंडारी वहां पहुंच गए। भंडारी ने हैंड ब्रेक के सहारे गाड़ी को साइड में लगवाकर सड़क को खोल दिया। रात करीब सात बजे इस मार्ग पर यातायात बहाल हुआ।
हिमाचल प्रदेश विद्यालय प्रवक्ता संघ जिला सिरमौर ने कुछ समाचार पत्रों में बेहतर परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षक करेंगे विदेशों की सैर शीर्षक से छपे समाचार पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केवल शत-प्रतिशत वार्षिक परीक्षा परिणाम को बेहतर शिक्षक का मापदंड बनाया जाना उचित नहीं है। शिक्षा का उद्देश्य बहुत व्यापक है, जो देश तथा समाज के भविष्य की नींव रखता है। अत: मात्र एक-दो वार्षिक परीक्षा परिणामों के आधार पर बेहतर शिक्षा व्यवस्था अथवा अच्छे शिक्षक को जांचना तर्कसंगत नहीं । संघ जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पुंडीर, महासचिव आईडी राही, निवर्तमान राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेेंद्र नेगी, पूर्व महासचिव संजय शर्मा, राज्य कार्यकारिणी सदस्य रमेश नेगी, सतीश शर्मा, प्रेम पाल स्थानीय, सतपाल, बलबीर शर्मा, प्रेम कश्यप, राजेंद्र तोमर आदि प्रवक्ताओं ने संयुक्त वक्तव्य में कहा कि शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम कुछ ऐसे विषयों का भी आ जाता है, जिन विषयों के शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं, दूसरी ओर जहां कुछ विषयों में विद्यार्थियों की संख्या केवल एक अंक अर्थात 9 या इससे भी कम होती है, वहीं अंग्रेजी जैसे अनिवार्य विषय में यह संख्या 100 से अधिक भी है। संघ ने सुझाव दिया कि शिक्षा विभाग को उप मंडलीय स्तर पर निगरानी समिति गठित करनी चाहिए, ताकि हर क्षेत्र से इन सभी मापदंडों की जांच कर ऐसे शिक्षकों की सूची बनाई जा सके, जो विदेशी शिक्षण भ्रमण को केवल सैर सपाटा न समझ कर अन्य देशों की शिक्षा प्रणाली को जांच-परख कर वहां की अच्छी व्यवस्थाओं को अपने प्रदेश में व्यवहारिक रूप देने की क्षमता रखते हों।
-सिख फॉर जस्टिस गुरवंत पन्नू ने ली जिम्मेदारी -वीडियो बनाकर किया गया प्रसारित, जांच में जुटी पुलिस -खंगाली जा रहीं सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चिंतपूर्णी मंदिर के तलवाड़ा बाईपास की दुकानों के शटर और दीवारों पर हिमाचल बनेगा खालिस्तान, शहीद भिंडरावाले जिंदाबाद के नारे लिखे हैं और इसका वीडियो बनाकर प्रसारित भी किया गया है, जिसके बाद बुधवार सुबह से ही यह खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। इसकी जिम्मेदारी सिख फॉर जस्टिस गुरवंत पन्नू ने ली है। सुरक्षा की दृष्टि से चाक चौबंद मंदिर क्षेत्र और सुरक्षा बल तैनात होने के बावजूद ये नारे यहां कैसे लिखे गए, यह हैरान करने वाली बात है। न सिर्फ नारे लिखे गए, बल्कि उनका वीडियो भी बनाकर सब जगह प्रसारित किया गया है। वीडियो में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम संदेश जारी किया गया है, जिसमें 1984 के दंगों में कांग्रेसी नेताओं पर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। एसडीपीओ अंब वसुधा सूद ने मौके पर पहुंचकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
मुख्य अरण्यपाल धर्मशाला विक्रम इलावर्सन ने बताया कि हिमाचल सरकार की वन मित्र योजना के तहत वन मित्रों को वन विभाग में शामिल करने के लिए आवेदन प्रक्रिया 30 नवंबर से आरंभ होगी। इसके लिए आवेदन पत्र भरकर जमा कराने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर है। जनजातीय और दूरवर्ती क्षेत्रों के लिए अंतिम तिथि 15 जनवरी, 2024 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार वन विभाग की वैबसाईट अथवा अपने निकटतम वन परिक्षेत्राधिकारी कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आग्रह किया कि आवेदन प्रक्रिया संबंधित अन्य सूचना के लिए आवेदनकर्ता संबंधित वन परिक्षेत्राधिकारी के कार्यालय से संपर्क करें।
-नगर निगम आयुक्त ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण -बोले, 302 गाड़ियां व 125 दौपहिया वाहनों की पार्किंग की होगी व्यवस्था स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत धर्मशाला बस अड्डे के समीप निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग जल्द बनकर तैयार होगी। नगर निगम धर्मशाला के आयुक्त और एमडी धर्मशाला स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट अनुराग चंद्र शर्मा ने आज मंगलवार को मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के उपरांत यह बात कही। उन्होंने कहा कि लगभग 20 करोड़ की लागत से बनने वाली इस मल्टी लेवल पार्किंग में 302 गाड़ियां और 125 दौपहिया वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था होगी। अनुराग चंद्र ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल होने के कारण धर्मशाला में प्रतिदिन स्थानीय गाड़ियों के अलावा बड़ी संख्या में पर्यटकों की गाड़ियां भी आती हैं। उन्होंने कहा कि बस अड्डे के पास पार्किंग की उपयुक्त व्यवस्था न होने की वजह से अनेकों बार लोग अनाधिकृत स्थानों पर अपने वाहनों को पार्क करते हैं, जिससे शहर में आए दिन जाम देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि शहर में एक बड़ा उपयुक्त पार्किंग स्थल न होने की वजह से पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन को भी नियमित दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आयुक्त नगर निगम ने कहा कि धर्मशाला बस स्टैण्ड के समीप स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बन रही यह पार्किंग ऐसी सभी समस्याओं से निजात दिलाएगी और इससे लोगों को अनावश्यक जाम से भी छुटकारा मिलेगा। उन्होंने निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण के दौरान सुरक्षा और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष बल देने की बात कही। उन्होंने कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाते हुए इसे समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
सोलन जिले के सुबाथू-धर्मपुर मार्ग पर सुबाथू-नयानगर के मध्य क्षतिग्रस्त मार्ग को आवश्यक आवाजाही के लिए सुचारू कर दिया गया है। यह जानकारी आज यहां उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि सुबाथू-नयानगर मार्ग पर अब हल्के वाहनों तथा बसों की आवाजाही सुचारू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर हल्के मालवाहक वाहन भी आ-जा सकेंगे। मार्ग पर यातायात परिचालन का समय प्रात: 7.30 बजे से सायं 7.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नागरिकों को हो रही असुविधा के दृष्टिगत इस सम्बन्ध में उपमण्डलाधिकारी कसौली गौरव महाजन तथा ब्रिगेडियर कमांडर सुबाथू के मध्य बैठक आयोजित की गई। बैठक में इस मार्ग को बहाल करने के सम्बन्ध में चर्चा की गई। उन्होंने बैठक के उपरांत प्रशासन तथा सेना के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण भी किया। मनमोहन शर्मा ने कहा कि इस मार्ग पर वाहनों की सुरक्षा के लिए उचित स्थान पर सूचना पट्ट स्थापित किए जाएंगे। इस संबध में लोक निर्माण विभाग के कसौली स्थित अधिशाषी अभियंता को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर बस सेवा एवं हल्के मालवाहक वाहनों के आरम्भ होने से स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी। उपायुक्त ने सभी से आग्रह किया है कि इस सड़क सहित विभिन्न मार्गो पर वाहन निर्धारित गति सीमा में चलाएं, ताकि सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
-नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने का किया आग्रह राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज पुलिस ग्राउंड धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा आयोजित 52वीं हिमाचल प्रदेश पुलिस खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता-2023 का शुभारंभ किया। उन्होंने मार्च पास्ट की सलामी भी ली। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुलिस बल लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने, खेलों में भागीदारी के साथ-साथ हर क्षेत्र में अपनी भूमिका सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है, इसके लिए पुलिस बलों को मानसिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ होना आवश्यक है। उन्होंने पुलिस बलों से समाज की अपेक्षानुसार और अधिक संवदेनशील होने का आग्रह किया। राज्यपाल ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं और ड्यूटी मीट विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारियों और कर्मचारियों को एक साथ लाते हैं, इससे एक-दूसरे को जानने और समझने के साथ-साथ टीम वर्क की भावना को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल खेल भावना से प्रतिस्पर्धा करते हैं और शांति के संरक्षक के रूप में भी अपनी भूमिका बखूबी सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि कर्त्तव्य निर्वहन के दौरान पुलिस बलों को अनेक चुनौतियों और मानसिक दवाब का सामना करना पड़ता है इसलिए इस तरह की प्रतियोगिताएं उनके स्वास्थ्य के लिए नितांत आवश्यक हैं। उन्होंने पुलिस बलों से नशे की बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने का आग्रह किया। इससे पहले, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और कहा कि पुलिस की यह प्रतियोगिता कोविड महामारी के कारण 3 वर्ष के उपरांत आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में राज्य भर के लगभग 600 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबॉर्न, ऑस्ट्रेलिया में पशु क्रूरता व पशु प्रेम पर बनी डॉक्यूमेंट्री 'क्रांति' दिखाई जाएगी। एकलव्य सेन, जो कि बतौर फिल्म निर्देशक काफी समय से कार्य कर रहे हैं, उनकी बनाई डाक्यूमेंट्री क्रांति द रेवोल्यूशन, जो कि पशु-पक्षियों पर क्रूरता, पशु प्रेम एवं जंगली जीवों के सही संरक्षण पर आधारित है, का चयन ऑस्ट्रेलिया के इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबॉर्न में हुआ है। यह डॉक्यूमेंट्री धर्मशाला में शूट हुई है और एक सच्चे पशु प्रेमी एवं समाजसेवी धर्मशाला के धीरज महाजन के जीवन से प्रेरित एक सच्ची कहानी है। उन्होंने अपना पूरा जीवन पर्यावरण, पशु-पक्षियों व जंगली जीवों की सेवा में दे दिया है। यह डॉक्यूमेंट्री ऑस्ट्रेलिया में एक सप्ताह तक दिखाई जाएगी और वहां के बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज की जायेगी, इससे पहले यह डॉक्यूमेंट्री बेंगलुरु, कोलकाता एवं इटली के एक बड़े फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जा चुकी है। धीरज महाजन को 5 अप्रैल, 2022 को मुख्यमंत्री से हिमाचल प्रदेश का सबसे सर्वश्रेष्ठ सम्मान हिमाचल प्रेरणा स्त्रोत मिल चुका है। हिमाचल प्रदेश व सभी पशु प्रेमियों के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है।
-संजीवनी साबित हुई रैट होल माइनिंग -इस पर 2014 में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने लगा दिया था प्रतिबंध उत्तराखंड़ के उत्तरकाशी जिले में 12 नवंबर को सिल्क्यारा टनल में काम कर रहे 41 मजदूर फंस गए थे। मजदूरों को निकालने के लिए विदेशों से एक्सपर्ट बुलाए गए, बड़ी-बड़ी मशीनों से काम किया गया, लेकिन किसी न किसी वजह से ऑपरेशन रुकता रहा। जहां बड़ी-बड़ी मशीनें भी फेल हो गईं वहां काम आए इंसान के हाथ और 17 दिन में पहली बार मजदूरों तक पहुंचने में कामयाबी मिली। मजदूरों को निकालने के लिए की जा रहीं तमाम कोशिशों में रैट होल माइनिंग संजीवनी साबित हुई है। इसमें 12 माइनर्स की छोटी-छोटी टीमें अंदर भेजी गईं, एक माइनर मिट्टी खोदता गया तो दूसरा मलबा साफ करता और तीसरा मलबे को बाहर फेंकता गया। इस तरह धीरे-धीरे टनल खोद कर 41 मजदूरों तक पहुंचा गया। ये वही रैट होल माइनिंग है, जिसे 2014 में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने मजदूरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस पर प्रतिबंध लगा दिया था। दरअसल मेघालय में कोयला निकालने के लिए रैट होल माइनिंग का ज्यादा इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन माइन में नदी का पानी आने से कोल पिट में 15 माइनर्स फंसकर मर गए थे। तबसे एनजीटी ने इस प्रक्रिया को खतरनाक बताते हुए इस पर रोक लगा दी थी। आज इसी तकनीक से सिल्क्यारा टनल में रेस्क्यू ऑपरेशन सफल साबित हो पाया है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री व हरोली के संगठन के प्रस्ताव पर हरोली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में पांच नए जोन गठित किए हैं। 5 ज़ोन के लिए ने प्रभारी का ऐलान भी कर दिया गया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कांग्रेस संगठन के मजबूती के लिए गठित 5 ज़ोन के प्रभारियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में 5 जोन के प्रभारी उपस्थित रहे। वहीं जिला कांग्रेस के अध्यक्ष रणजीत राणा,हरोली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनोद बिट्टू व प्रदेश कांग्रेस के सचिव अशोक ठाकुर सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे । उप मुख्यमंत्री ने पंडोगा जोन के प्रभारी मेहताब सिंह, हरोली के प्रभारी राजकुमार, पालक्वाह के प्रभारी संदीप अग्निहोत्री, ललडी के प्रभारी सुरेश जोशी वव बीत के प्रभारी जोगिंदर सिंह को शाल, टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया। इस बैठक में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब की प्राथमिकता कांग्रेस के संगठन को मजबूत करना है, बूथ तक कांग्रेस का संगठन मजबूत हो,कार्यकर्ता सक्रिय हो सभी वर्ग कांग्रेस के साथ मिलकर आगे बड़े, यह हम सब का लक्ष्य है। इसके लिए हरोली कांग्रेस के नेतृत्व में बेहतर काम किया जा रहा है। अब जोन स्तर पर प्रभारी अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए अपने-अपने क्षेत्र में फील्ड में रहकर के काम करें, पार्टी को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि हरोली की जनता ने सदैव कांग्रेस को सम्मान दिया है। लगातार पांच चुनाव कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में मुझे जीताए हंै। मुकेश ने कहा कि हम जनता की उम्मीद पर खरे उतरें, विकास को आगे बढ़ाए, गांव व गरीब की मदद के लिए काम करें, हरोली को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के साथ-साथ हरोली की जनता के सुख-दुख में शामिल हो इसके लिए जरूरी है कि हम हर घर तक पहुंचे।
हिमाचल प्रदेश बॉल बैडमिंटन संघ का चुनाव गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल अंबोट में केसी ठाकुर सचिव हिमाचल प्रदेश बाल बैडमिंटन संघ की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। संघ ने सर्वसम्मति से बीएल गोयल को प्रधान, केसी ठाकुर को सचिव, आरके भारद्वाज को कोषाध्यक्ष, दीपक कुमार शारदा जिला ऊना, कुलभूषण शर्मा जिला कांगड़ा, नर्मदा देवी, सुरेश कुमार को उप प्रधान तथा सचिव के पद पर सुरेंद्र ठाकुर, सुमित पराशर उन्ना, सौरभ कुमार कांगड़ा, टीना शर्मा को चुना गया। वहीं, अनिल कुमार शर्मा को प्रेस सचिव चुना गया। मदन सिंह ठाकुर, रितिका राणावत, संजीव कुमार हमीरपुर, कृतिका उन्ना को सदस्य चुना गया।
राजकीय महाविद्यालय शिवनगर में महाविद्यालय केंद्रीय छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। राष्ट्र गीत और सरस्वती वंदना से कार्यक्रम आरंभ हुआ। उसके बाद अध्यक्ष के रूप में बीकॉम तृतीय वर्ष की अंजलि, उपाध्यक्ष के रूप में बीए तृतीय वर्ष की तमन्ना, प्रमुख सचिव के रूप में बी. कॉम द्वितीय वर्ष के आयुष शर्मा, उप सचिव के रूप में बीकॉम प्रथम बर्ष की पलक और अन्य मनोनीत सदस्यों तथा कक्षा प्रतिनिधियों को उनके पद की शपथ दिलाई गई। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक गतिविधियों के रूप में देशभक्ति और लोकगीतों को प्रस्तुत किया गया। अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. उपेेंद्र शर्मा ने सभी को संबोधित करते हुए छात्र राजनीति का विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने में अहम भूमिका बताते हुए सारगर्भित व्याख्यान दिया। सीएससीए के संयोजक प्रो. संजीव शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया और कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को जलपान वितरण के साथ हुआ।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा में मंगलवार को भारतीय निर्वाचन आयोग की टीम की ओर से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं को मतदाता पहचान पत्र, और ऑनलाइन मतदाता पहचान प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया के संबंध में पूर्ण जानकारी दी और बताया कि छात्रों को न सिर्फ अपना, बल्कि पास पड़ोस के लोगों को भी मतदान के संबंध में जानकारी प्रदान करनी चाहिए। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉॅ. प्रशांत कुमार मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में आप सबकी भूमिका अहम है! इस कार्यक्रम में सभी अध्यापक वर्ग और सभी प्रशिक्षु छात्र छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रदेशभर में दिसंबर से उपभोक्ताओं को उचित मूल्य की दुकानों में दालों के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। सभी जिलों में सिविल सप्लाई निगम के गोदामों में दालों की खेप पहुंच गई है और जल्द ही यह डिपुओं में वितरित होनी शुरू हो जाएंगी। चना, उड़द और मलका की दालें गोदामों में पहुंच चुकी हैं। इससे लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। हालांकि चीनी के लिए अभी भी उपभोक्ताओं को इंतजार करना होगा। निगम के अधिकारियों के मुताबिक फैक्टरी में पुरानी और गीली चीनी होने के चलते इसकी सप्लाई नहीं की जा सकती। बता दें कि विभिन्न जिलों में कहीं एक माह से तो कहीं पर दो माह से दालें नहीं मिल रही हैं, इसके चलते उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। उपभोक्ताओं को दालें महंगे दामों पर बाजारों से खरीदनी पड़ रही हैं। इस बारे में खाद्य आपूर्ति निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि पिछले कुछ समय से सप्लाई कुछ कारणों से रुकी हुई थी, मगर अब सरकार के आदेशों के बाद दालों की सप्लाई आ गई है। दिसंबर तक ये दालें डिपुओं में मिलना शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि अभी चीनी के लिए उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ेगा।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में उत्तर क्षेत्रीय युवमहोत्सव का शुभारंभ बड़े ही हर्षोल्लास के साथ हुआ। इस उत्सव में पांच राज्यों की आठ टीमें भाग ले रही हैं। सभी प्रतिभागी दलों ने अपने सांस्कृतिक गणवेषों में मार्च पास्ट किया। उसके उपरांत वेदव्यास सभी खिलाड़ियों को निष्ठापूर्वक खेलने की शपथ दिलाई गई। उत्सव के उद्घाटन सत्र में मुख्यातिथि के रूप में महर्षि पाणिनि संस्कृत विश्वविद्यालय, उज्जैन के माननीय कुलपति प्रो. विजय कुमार सीजि उपस्थित रहे। इन्होंने प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि संस्कृत छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए यह उत्सव बड़ा ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी का स्मरण करते हुए कहा कि प्रो. वरखेड़ी दूरगामी चिंतन रखते हैं। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. पीवीबी सुब्रमण्यम एवं प्रो. गजेेंद्र शर्मा उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन वेदव्यास परिसर की निदेशक प्रो. सत्यम कुमारी ने किया। सत्र के समापन में कार्य कार्यक्रम के समन्वयक प्रो.मञ्जुनाथ ने सभी का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उत्तर क्षेत्रीय युव महोत्सव में लगभग 30 प्रकार की स्पर्धाएं आयोजित होंगी व आठ प्रकार की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक स्पर्धाएं भी आयोजित होंगी। सर्वाधिक पुरस्कार प्राप्त करने वाले दल को विजयवैजयंती पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। परसों इस युवमहोत्सव का समापन किया जायेगा। उद्घाटन अवसर पर सभी दलों के मार्गदर्शक प्रतिभागियों सहित वेदव्यास परिसर के विभिन्न कमेटियों के संयोजक क्रमश:डा संजय कुमार, डॉ. शीशराम, डॉ. मनोज श्रीमाल, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. रामनारायण ठाकुर, डॉ. श्रीनाथधर द्विवेदी, डॉ. पुरुषोत्तम, डॉ. महिपाल, विक्रमजीत सिंह व समस्त शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी आदि भी उपस्थित रहे।
अर्नी यूनिवर्सिटी इंदौरा में आज 9 एचपी बीएन एनसीसी डलहौजी द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें राजकीय महाविद्यालय इंदौरा के एनसीसी कैडेट्स ने रक्तदान किया एवं शिविर को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण सहयोग भी दिया। इंदौरा महाविद्यालय के एनसीसी यूनिट के सीटीओ कमल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में एनसीसी के सभी कैडेट्स ने रक्तदान भी किया।
जिला पुलिस सोलन द्वारा जिला में नशा तस्करों विशेषत: चिट्टा और अन्य नशीली दवाइयों/पदार्थों की तस्करी करने वालों पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है। पिछले चार महीनों में ही जिला पुलिस ने 8 बड़े चिट्टा तस्करों के नेटवर्कों को ध्वस्त भी किया है, जिससे जिला में चिट्टा तस्करी करने वाले गिरोहों की गतिविधियों में और चिट्टा की सप्लाई में भारी कमी आई है। इसी कड़ी में एक अन्य नेटवर्क को भी तोड़ा गया है जिसमें दिनांक 18-11-23 को सोलन जिला की स्पेशल टीम ने सोलन के माल रोड पर स्थित एक गेस्ट हाउस में दो युवक जो सोलन शहर में नौजवानों को चिट्टा बेचने की फिराक में थे, को उस गेस्ट हाउस से 7.34 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया तथा इस संदर्भ में थाना सदर सोलन में मामला दर्ज किया गयाहै। दोनों आरोपियों राहुल पुत्र हेमराज उम्र 20 साल निवासी नेपाल और विजय कुमार पुत्र महेंद्र, उम्र 35 साल निवासी सोलन को पुलिस रिमांड पर लेकर अभियोग की आगामी जांच की गई जिसमें पता चला कि आरोपी विजय के खिलाफ़ 3 आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं, जिनमें पोक्सो एक्ट और चोरी के मामले शामिल हैं। ये दोनों आरोपी इस चिट्टा को अपने बिचौलिये दोस्त नरेेंद्र पुत्र रघुवीर सिंह निवासी जौणाजी रोड़ के माध्यम से पैसों का लेन-देन करके खरड़ निवासी चिट्टा तस्कर मोहित से खरीद कर लाये थे। जिस पर दिनांक 19-11-2023 को पुलिस टीम द्वारा आरोपी नरेेंद्र को अभियोग में गिरफ्तार किया गया। इस अभियोग के आगामी अन्वेषण के दौरान पाया गया कि आरोपी मोहित एक अन्य व्यक्ति का Paytm-wallet व सिम कार्ड पिछले एक साल से प्रयोग कर रहा था, ताकि पुलिस से बचा जा सके। जांच में पैसों के लेन देन और चिट्टा तस्करी के सबूत मिलने पर दिनांक 23-11-2023 को आरोपी मोहित लखनपाल पुत्र धरमपाल निवासी खंरड़ पंजाब, उम्र 28 साल को चिट्टा सप्लाई करने के आरोप में अभियोग में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मोहित पिछले 7 वर्षों से ज़्यादा समय से चिट्टा तस्करी कर रहा है। इसके खिलाफ चोरी के मुकदमे भी दर्ज हैं। इस अभियोग में चारो आरोपी राहुल, विजय, नरेंद्र व मोहित न्यायिक हिरासत में हैं। अभियोग में जांच जारी है। सोलन पुलिस द्वारा इस वर्ष अभी तक बाहरी राज्यों के 72 आरोपियों, जिनमें चिट्टे के 58 बड़े सप्लायर हैं, जो दिल्ली, पंजाब, हरियाणा,चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, असम, महाराष्ट्र आदि राज्यों से हंै, को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 5 अफ्रीकी मूल के नाइजीरियन नागरिक भी शामिल है। इन बाहरी राज्यों के तस्करों द्वारा हिमाचल प्रदेश में चलाये जा रहे चिट्टा तस्करी के 9 बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्को को ध्वस्त कर दिया गया है, जिससे हजारों युवाओं को चिट्टा की आपूर्ति बंद हुई है। जिला पुलिस ने इस वर्ष अभी तक नशा तस्करी के 101 मुकदमे दर्ज करके 211 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
-स्कूलों के पुस्तकालयों को भी किया जाएगा डिजिटल -संस्कृति मंत्रालय फंड करेगा जारी हिमाचल में सभी पुस्तकालय डिजिटल होंगे। पुस्तकालयों को डिजिटल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे पाठकों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए हजारों रुपये खर्च करके पुस्तकें भी नहीं खरीदनी पड़ेंगी। स्कूलों के पुस्तकालयों को भी डिजिटल किया जाएगा। पुस्तकालयों में मौजूद पुस्तकों को भी धरोहर के रूप में संभालकर रखा जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय ने राजा राम मोहन राय पुस्तकालय फाउंडेशन कोलकाता के साथ मिलकर पुस्तकालयों को डिजिटल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए संस्कृति मंत्रालय से फंड जारी होगा। स्कूलों के पुस्तकालयों को भी डिजिटल किया जाएगा। इसका कार्यभार समग्र शिक्षा को सौंपा है। इन पुस्तकालयों को राष्ट्र डिजिटल लाइब्रेरी से जोड़ा जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय के मुताबिक शुरुआत में ऐतिहासिक, दीमक और खराब होने की स्थिति में पुस्तकों को डिजिटल किया जाएगा। इसके बाद नई अन्य किताबों को डिजिटल करने की प्रक्रिया होगी। वर्तमान समय में राजधानी के तीनों राज्य पुस्तकालय में 77,600 के करीब पुस्तकों का संग्रह है।
-हाटी समिति ने संशोधित एसटी कानून को लागू करने की उठाई मांग -गिरिपार अनुसूचित जाति समिति ने कानून लागू न करने की मांग की केंद्र सरकार द्वारा हाटी समुदाय को एसटी का दर्जा देने संबंधी बिल को इस साल 4 अगस्त को पारित कर दिया था। लेकिन हिमाचल सरकार द्वारा राज्य में आज तक संशोधित एसटी कानून लागू नहीं किया गया है। न ही समुदाय को एसटी प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर हाटी समिति की संगड़ाह इकाई ने सोमवार को रेणुकाजी मेले में राज्यपाल को एक मांग पत्र सौंपा। समिति ने राज्यपाल से जल्द से जल्द अनुसूचित जनजाति आरक्षण का लाभ दिलाने की गुहार लगाई है। इससे पूर्व हाटी समुदाय को एसटी का दर्जा देने का विरोध कर रही गिरिपार अनुसूचित जाति अधिकार संरक्षण समिति द्वारा संविधान दिवस पर मुख्यमंत्री सुक्खू को एक मांग पत्र सौंपा गया था, जिसमें सवर्ण आबादी को जनजातीय दर्जे से उनके एट्रोसिटी एक्ट व पंचायती राज तथा विस चुनाव में आरक्षण समाप्त होने से बचाने की गुहार लगाई गई थी।
-धार्मिक पर्यटन सर्किट बस सेवा के तहत एचआरटीसी इस रूट पर वोल्वो बस चलाएगा -अगले साल से इस रूट पर यह बस सेवा शुरू करने की योजना हाल ही में धार्मिक पर्यटन सर्किट बस सेवा के तहत एचआरटीसी ने चिंतपूर्णी-ज्वालाजी, खाटू श्याम और भंगायणी माता मंदिर हरिपुरधार के लिए बस सेवा शुरू की और अब पंजाब के अमृतर स्थित स्वर्ण मंदिर और अटारी बॉर्डर के लिए भी हिमाचल पथ परिवहन निगम वोल्वो सेवा शुरू करने जा रहा है. दरअसल बाहरी राज्यों से हिमाचल आने वाले सैलानी स्वर्ण मंदिर और अटारी बार्डर घूमने जरूर जाते हैं और हिमाचल से स्वर्ण मंदिर और अटारी बार्डर के लिए अब तक कोई लग्जरी बस सेवा नहीं थी। ऐसे में इस रूट पर वोल्वो बस चलने से निगम को अच्छी कमाई की उम्मीद है। अगले साल से इस रूट पर यह बस सेवा शुरू करने की योजना है वहीं, एचआरटीसी दिल्ली और अमृतसर एयरपोर्ट के लिए भी सीधी वोल्वो सेवा शुरू करने की योजना बना रहा है। शिमला-चंडीगढ़ एयरपोर्ट वोल्वो के सफल संचालन के बाद इसे लेकर प्रयास किये जा रहे हैं। टूरिस्ट सीजन के दौरान बड़ी संख्या में सैलानी दिल्ली, अमृतसर, शिमला, मनाली, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के बीच आवाजाही करते हैं। ऐसे में वोल्वो सेवा शुरू होने से इन्हें लाभ होगा।
-2025 की परेड में शामिल होगी हिमाचल की झांकी राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर रिपब्लिक डे की परेड में पिछले 4 सालों से हिमाचल को मौका नहीं मिला है और इस बार भी हिमाचल की झांकी देखने को नहीं मिलेगी। दरअसल ऐसे कई राज्य है जो बीते कई सालों से गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल नहीं हुए हैं। ऐसे में सभी राज्यों को बराबर का मौका मिले इसके लिए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को तीन वर्षों में से एक बार अपनी झांकी परेड में शामिल करने का मौका दिया है। नई व्यवस्था के तहत किसी भी राज्य की झांकी को तीन चरण में होने वाली छंटनी प्रक्रिया के दौरान बाहर नहीं किया जाएगा। राज्य जिस भी वर्ष के लिए अपनी झांकी को शामिल करने की प्राथमिकता देंगे, केंद्र सरकार उस राज्य की झांकी और बेहतर बनाने में मदद देगा। अब केंद्र सरकार ने 2024 से 2026 तक झांकी निकालने के लिए किसी एक वर्ष को चुनने का राज्यों से विकल्प मांगा थ। इसी कड़ी में हिमाचल सरकार ने वर्ष 2025 में अपनी झांकी को देने का फैसला किया है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार से समय पर सूचना न मिलने के कारण 2023 की परेड में झांकी शामिल करने का मौका हिमाचल के हाथ से चला गया था। इससे पहले 2019 में महात्मा गांधी की हिमाचल यात्रा की झांकी का प्रस्ताव भेजा गया था, रक्षा मंत्रालय ने हिमाचल की झांकी के मॉडल को भी खारिज कर दिया था फिर वर्ष 2021 में अटल टनल रोहतांग का मॉडल मंजूर नहीं हुआ और 2022 में धामी गोलीकांड विषय पर केंद्रित झांकी अंतिम चरण में बाहर हुई थी। अब हिमाचल सरकार ने 26 जनवरी 2025 की परेड में राज्य की झांकी को शामिल करने का फैसला किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों को जो भी दायित्व उन्हें सौंपा गया है, उसे पूरी निष्ठा व ईमानदारी से पूरा करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि जो पदाधिकारी निष्क्रिय पाए जा रहे हैं उन्हें जल्द ही पदमुक्त करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा है कि जल्द ही प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति पर विस्तारपूर्वक आपसी चर्चा की जाएगी। प्रतिभा सिंह ने उन पदाधिकारियों को जो पार्टी के कार्यक्रमों व बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहते हैं, उनकी पूरी जानकारी जिला व ब्लॉक अध्यक्षों से मांगी है। उन्होंने कहा कि संगठन के आदेशों की अवहेलना किसी भी स्तर पर सहन नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा है कि जो पदाधिकारी अपने दायित्व का पालन या पार्टी के कार्यक्रमों को समय नही दे पा रहे हैं, उन्हें स्वयं ही पद से हट जाना चाहिए। प्रतिभा सिंह ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों से अपने अपने सभी बूथों की कमेटियां गठित करने व इसकी पूरी सूची प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को 30 नवंबर तक भेजने के निर्देश दिए हैं। प्रतिभा सिंह ने ब्लॉक अध्यक्षों से अपने-अपने ब्लॉकों में 15 दिसंबर से पूर्व या इस दिन तक पार्टी की आम सभा, जनरल हाउस बुलाने को भी कहा है। उन्होंने इन सभाओं में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव व सचिव प्रभारियों को भी शामिल होने को कहा है। उन्होंने कहा है कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिये पार्टी पदाधिकारियों को जल्द ही अहम जिम्मेदारियां दी जाएंगी। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिये एकजुटता के साथ कार्य करने का आग्रह करते हुए कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिये पार्टी के सभी नेताओं को अभी से कमर कसनी होगी।
-विभाग की नर्सरियों में लगभग 20 हजार पौध तैयार -जनवरी के प्रथम सप्ताह से सस्ती दरों पर दिए जाएंगे बागवानों को उद्यान विभाग करसोग क्षेत्र के बागवानों को उच्च गुणवत्ता वाले फलदार पौधे उपलब्ध करवाएगा। विभाग की नर्सरियों में बागवानों को उपलब्ध करवाने के लिए लगभग 20 हजार फलदार पौधे पूरी तरह तैयार हैं। करसोग के बागवानी विशेषज्ञ जगदीश वर्मा ने बताया कि इन पौधों में सेब, नाशपाती, प्लम और जापानी फल सहित अन्य विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। इन्हें जनवरी माह के प्रथम सप्ताह से सस्ती दरों पर किसानों व बागवानों को उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सेब प्रजाति में जेरोमाईन, किंग रौट, रेड कैप वोलटोड, सकारलेस स्पर-2, सैलेट स्परए सुपर चीफ, फ्यूजीस्ट्रेन, व गाला प्रजाति में डार्क बैरेन गाला, बक आई गाला, गेन गाला, रेडल्म गाला, बाईगैंट गाला, अल्टिमा गाला, गाला वन गाला, गाला सिंगा सीनैको, ग्रैनी स्मिथ, अर्ली रैड वन शामिल है, जबकि नाशपाती में कारमैन, ब्रोन्स ब्यूटी, कोर्न कार्ड, अबेटे फैटल, डी अंजुओ, गोल्डन रोजेट, पेखम, स्टार किम्सन व रैड वाल्टलैट किस्में, पल्म में बैक एंबर, फ्रयर, रेड ब्यूट, अंजूलीना, फ्रंटियर व जापानी फल की फ्यू-यू प्रजाति के पौधे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सेब प्रजाति के रूट स्टॉक व सीडलिंग पौधों के लिए अलग-अलग मूल्य निर्धारित किए गए है। रूट स्टॉक किस्म की विभिन्न वैरायटी के पौधों 120 से 180 रुपये की दर निर्धारित है जबकि सीडलिंग किस्म के पौधों के लिए न्यूनतम 110 से अधिकतम 140 रुपये प्रति पौधा दाम निर्धारित किया गया है। नाशपाती और प्लम के पौधों का न्यूनतम 80 और अधिकतम 100 रुपये जबकि जापानी फल के पौधों की दर 100 रुपये प्रति पौधा निर्धारित की गई है। विषय विशेषज्ञ उद्यान जगदीश वर्मा ने बताया कि विभिन्न प्रजातियों के लगभग 15 से 20 हजार फलदार पौधें प्लांट प्रोटेक्शन सेंटर चुराग में बागवानों को उपलब्ध करवाए जाएगें। उन्होंने कहा कि करसोग क्षेत्र के बागवान इन पौधों को प्राप्त करने के लिए उद्यान विकास अधिकारी करसोग, विषय विशेषज्ञ उद्यान, अथवा प्रोजेक्ट फेसिलिटेटर के माध्यम से अपनी डिमांड दे सकते हैं।


















































