दिवाली पर बीस फीसदी तक बढ़ाए डिपुओं में मिलने वाले राशन के दाम नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार को आम लोगों से कोई सरोकार नहीं रह गया है। सरकार नारा 'सुख की सरकार' का देती है और काम सारे 'दुख की सरकार' के करती है। दीवाली के समय में सरकार ने प्रदेश के डिपुओं पर मिलने वाली खाद्य सामग्रियों के दाम में लगभग बीस फ़ीसदी तक की बढ़ोतरी कर दी है। ऐसे में आपदा की मार झेल रहे प्रदेशवासी क्या करेंगे। उन्होंने कहा कि त्यौहारों में सरकार लोगों को तोहफ़े देती है जिससे लोग अच्छे से त्यौहार मना सके। लेकिन कांग्रेस सरकार प्रदेश के लोगों पर महंगाई का बोझ डालने का कोई भी अवसर नहीं छोड़ती है। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह कोई पहला अवसर नहीं है जब कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के लोगों पर महंगाई का बोझ डाला है। इसकी शुरुआत सरकार बनते ही शुरू हो गई थी। लोगों से महंगाई कम करने का वादा करके सत्ता में आई कांग्रेस ने सत्ता सम्भालते ही डीज़ल का वैट बढ़ाकर अपने चुनावी वादे के उलटा चलना शुरू कर दिया था और आज भी उसी रास्ते पर चल रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 'प्रधानमंत्री अन्न कल्याण योजनाÓ के माध्यम से देश भर में अस्सी करोड़ से ज़्यादा लोगों को नि:शुल्क अन्न उपलब्ध करवा रही हैं। पिछले हफ़्ते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस योजना को अगले पांच साल के लिए बढ़ा दिया है। दूसरी तरफ़ राज्य सरकार है आये दिन डिपुओं में मिलने वाले सामानों में कटौती कर रही है और जो मिल रहा है उनके दाम बढ़ा रही है। आपदा से जूझ रहे प्रदेश के लोगों के लिए सरकार द्वारा लिए गए ऐसे निर्णय किसी भी हाल में सही नहीं कहे जा सकते हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार ने कहा कि डिपुओं में मिलने वाली उड़द की दाल के दाम 59 रुपए से बढ़ाकर 63 रुपए कर दिए, एपीएल को दी जाने वाली मलका की दाल के दाम 63 से बढ़ाकर 73 रुपए कर दिए। इसी तरह रिफ़ाइंड तेल के दाम बढ़ाकर 104 रुपए से बढ़ाकर 114 रुपये कर दिए। दीवाली के समय में इस तरह से खाने पीने की चीजों के बेतहाशा दाम बढ़ाकर प्रदेश के लोगों को परेशान करना, सरकार के निरंकुश होने का प्रमाण है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार का काम लोगों को राहत देने का है, जिससे लोगों की समस्याएं कम हो, बढ़े नहीं। लेकिन वर्तमान सरकार के सभी काम लोगों की समस्याओं को बढ़ाने वाले होते हैं। व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर प्रदेश के लोगों को परेशान करने का काम वर्तमान सरकार कर रही है। लगभग एक साल के कार्यकाल में ही यह सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है। लोग आज सड़कों पर हैं। सरकार ने प्रदेश के लोगों से किए गए किसी भी वादे को पूरा नहीं किया है। प्रदेश में पहली बार ऐसी सरकार है जो सिफ़र् झूठ बोल कर सरकार में आई और झूठ बोलकर ही उसे चलाना चाह रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह नहीं हो पाएगा अब प्रदेश के लोगों ने कांग्रेस को सबक़ सिखाने का मन बना लिया है।
-किन्नौर के श्यासो में बना 76 हजार लीटर की क्षमता वाला वाटर स्टोरेज टैंक -स्थानीय जनता ने श्रमदान से भी दिया निर्माण कार्य में सहयोग प्रदेश के शीत मरूस्थल क्षेत्रों में हरियाली लाने के लिए जाइका परियोजना की पहल का परिणाम सामने आने लगा है। ऐसे में जाहिर है कि जाइका प्रोजेक्ट से शीत मरूस्थल में हरियाली आने लगी है। जापान अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी यानी जाइका वानिकी परियोजना के तहत जिला किन्नौर के श्यासो गांव में 76 हजार लीटर की क्षमता वाला सिंचाई जल भंडारण टैंक तैयार किया गया। इस कठिन एवं शीत भौगोलिक परिस्थिति के दायरे में आने वाले इस गांव की जनता के जज्बे को भी सलाम करना होगा। यह इसलिए कि वहां की जनता ने श्रमदान के माध्यम से एक लाख के अतिरिक्त बजट को कवर किया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जाइका प्राजेक्ट के तहत 76 हजार लीटर वाटर स्टोरेज टैंक निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 6 लाख रुपये का खर्चा आया। जाइका की ओर से 5 लाख का बजट दिया गया और एक लाख का काम वहां के स्थानीय लोगों ने श्रमदान के माध्यम से किया। ऐसे में अब इस क्षेत्र में जल भंडारण टैंक के होने से पौधरोपन के बाद उन्हें सींचने में पानी की कमी नहीं सताएगी। इसके साथ-साथ इस वाटर स्टोरेज टैंक का लाभ वहां के लोगों की भूमि सुधार में भी मिलेगा। यही नहीं, बल्कि यहां कृषि योग्य भूिम पर कृषि भी हो पाएगी। जाइका प्रोजेक्ट के माध्यम से जल भंडारण टैंक बना तो लोगों ने खेतों तक सिंचाई जल की सप्लाई के लिए कुहलों का निर्माण भी कर दिखाया। इस परियोजना के तहत वहां की महिलाओं की आर्थिकी के सुधार के लिए स्वयं सहयाता समूह का गठन कर प्रशिक्षण का आयोजन एवं मशीनरी खरीदने में आर्थिक सहायता प्रदान कर रहा है। बता दें कि इस गाव में इससे पहले सिंचाई के लिए इस तरह की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। जाइका परियोजना ने यहां टैंक निर्माण कर किसान एवं बागवानों को बेहतर सुविधा दी। हाल ही में हमारी टीम ने जिला किन्नौर के श्यासो गांव में निर्मित 76 हजार लीटर की क्षमता के जल भंडारण टैंक का निरीक्षण किया। जाइका परियोजना के तहत क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से यहां के लोगों में काफी उत्साह है, जाइका परियोजना से लोगों को लाभ मिल रहा है। दूरदराज गांव श्यासो में वाटर स्टोरेज टैंक होने से यहां के किसान एवं बागवानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी। बागवानों को मिली सिंचाई की बेहतर सुविधा जाइका वानिकी परियोजना के तहत जिला किन्नौर के श्यासो गांव में निर्मित जल भंडारण टैंक से अब वहां के किसान एवं बागवानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा भी मिल रही है। गौरतलब है कि किन्नौर का श्यासो गांव काफी दुर्गम है और यहां बारिश न होने के कारण किसान एवं बागवानों को सिंचाई में काफी दिक्कतें आती हैं। हालांकि यहां कृषि एवं बागवानी लोगों की आर्थिकी का मुख्य साधन है, लेकिन सिंचाई के पानी की कमी के चलते लोगों को काफी परेशानियां होती थी। मगर जब से जाइका प्रोजेक्ट से यहां 76 हजार लीटर की क्षमता का टैंक तैयार किया उसके बाद यहां के किसान एवं बागवानों की तकदीर बदलने लगी है।
छात्रों को भरतनाट्यम की कला सिखाने और समझाने के लिए केंद्रीय विद्यालय नलेटी में कलाकार प्रियंबदा तिवारी द्वारा एक भरतनाट्यम नृत्य पर कार्यशाला आयोजित की गई। विद्यालय प्रभारी प्राचार्य शशिकला कटोच और शिक्षकों की मदद से कार्यशाला बहुत सफल रही। यह कार्यशाला रूट्स 2 रूट्स की एक पहल थी, जिसका उद्देश्य दूरदराज के शहरों में स्थित छात्रों में कला और संस्कृति को विकसित करने में मदद करना है, जिससे उनके क्षेत्र में भरतनाट्यम नृत्य की कला को बढ़ावा देने में मदद मिले और युवा वयस्कों को आत्मविश्वास और आत्म-सम्मान बनाने का अवसर मिलेगा। रूट्स 2 रूट्स एक गैर-लाभकारी संगठन है, जो सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से शांति और समझ को बढ़ावा देता है। 2004 में स्थापित, संगठन ने संगीत, नृत्य, कला और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के अन्य रूपों के माध्यम से लोगों को एक साथ लाने के लिए 100 से अधिक देशों के साथ काम किया है। संस्कृति दुनिया में अच्छाई के लिए एक शक्तिशाली शक्ति है। जब विभिन्न संस्कृतियों के लोग अपनी कहानियों और अनुभवों को साझा करने के लिए एक साथ आते हैं, तो यह बाधाओं को तोड़ सकता है और समझ के पुल का निर्माण कर सकता है। अधिक शांतिपूर्ण और न्यायपूर्ण विश्व बनाने के लिए यह समझ आवश्यक है। संगठन के काम में शामिल हैं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों की मेजबानी करना, विभिन्न संस्कृतियों के बारे में शैक्षिक संसाधन तैयार करना, सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने के लिए स्कूलों और सामुदायिक संगठनों के साथ काम करना, सांस्कृतिक आदान-प्रदान का समर्थन करने वाली नीतियों की वकालत करना। केंद्रीय विद्यालय नलेटी की प्रभारी प्राचार्य शशिकला कटोच और सम्मानित शिक्षकों की मदद से कार्यशाला बहुत सफल रही।
-शरारती तत्वों ने पुल के साथ लगे चेतावनी बोर्ड को भी उखाड़ फेंका जयसिंहपुर लोक निर्माण विभाग की ओर से सीताराम खड्ड के ऊपर लगी शिलान्यास पट्टिका को कुछ शरारती तत्वों द्वारा पत्थर से तोड़ने की कोशिश की। साथ में बने कॉलेज पुल पर वाहनों की आवाजाही रोकने को चेतावनी बोर्ड लागया गया था। इस चेतावनी बोर्ड को शरारती तत्वों ने उखाड़ कर नीचे फेंक दिया है। गौर करने वाली बात यह है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा यह चेतावनी बोर्ड इसलिए लगाया था, ताकि इस पुल से वाहनों को आवाजाही न हो और पुल भी सुरक्षित रहे। इस पुल का निर्माण बरसात के दिनों में कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं व आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों के लिए पैदल पुल का निर्माण की गया है, ताकि लोगों और छात्रों को बरसात में घूम कर न जाना पड़े। निर्माण विभाग के एसडीओ अंकित समकरीया से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सीताराम खड्ड के ऊपर बने कॉलेज पुल पर लगी शिलान्यास पट्टिका को देखकर व लोक निर्माण विभाग के उखड़े हुए चेतावनी बोर्ड को दोबारा से लगा दिया जाएगा। इसको लेकर पुलिस विभाग के पास एक शिकायत पत्र दिया जाएगा।
हिमाचल को पर्यटन राज्य बनाने के लिए साहसिक गतिविधियों पर दिया जा रहा ध्यान आधुनिक जरूरतों के अनुरूप पर्यटन गतिविधियों के विकास को दिया जा रहा बढ़ावा 'पर्यटक ग्राम' जहां हिमाचली संस्कृति से रू-ब-रू होंगे सैलानी हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सरकार हिमाचल को पर्यटन राज्य के रूप में विकसित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है, ताकि युवाओं के लिए रोजगार तथा स्थानीय लोगों की आय में बढ़ोतरी सुनिश्चित की जा सके। इसके दृष्टिगत ट्रैकिंग, कंैपिंग, पैराग्लाइडिंग तथा रिवर राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को विशेष तौर पर बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार के प्रयास अब हकीकत में भी नज़र आने लगे हैं। हाल ही में हमीरपुर जिला के नादौन में ब्यास नदी में तीन दिवसीय एशियन राफ्टिंग चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। इसमें नेपाल, भूटान और कजाकिस्तान जैसे देशों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। कुल्लू-मनाली के उपरान्त नादौन ब्यास नदी पर राफ्टिंग का नया केंद्र बनकर उभरा है। नादौन क्षेत्र में पर्यटन विकास के दृष्टिगत एशियन विकास बैंक की मदद से 2500 करोड़ रुपये की परियोजना भी प्रस्तावित है। इससे पूर्व बिलासपुर जिला में स्थित गोविन्द सागर झील में भी जल क्रीड़ा से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं। मण्डी जिला के ततापानी में कोल बांध झील में भी जल क्रीड़ा पर आधारित साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कांगड़ा जिला के पौंग डैम में वाटर स्पोर्ट्स, शिकारा, क्रूज़ तथा यॉट इत्यादि की भी व्यवस्था की जा रही है। प्रदेश सरकार पारम्परिक पर्यटन के साथ-साथ आधुनिक जरूरतों के अनुरूप पर्यटन गतिविधियों के विकास को बढ़ावा दे रही है। पर्यटन राजधानी कांगड़ा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के गोल्फ कोर्स का निर्माण प्रस्तावित है। बनखण्डी में 300 करोड़ रुपये की लागत से चिड़िया घर का निर्माण किया जा रहा है। सरकार ने अपने प्रथम बजट में ही 60 करोड़ रुपये का प्रावधान इसके पहले चरण के निर्माण के लिए किया है। स्थानीय कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए 'पर्यटक ग्रामÓ की स्थापना भी की जा रही है। इसमें स्थानीय कला, संस्कृति, हस्तकला, संगीत इत्यादि को प्रसारित करते हुए स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। पर्यटन क्षेत्र को नए आयाम देते हुए वरिष्ठ नागरिकों के लिए 'ओल्ड एज होमÓ विकसित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त एशियन विकास बैंक की सहायता से 1311 करोड़ रुपये की एक व्यापक पर्यटन विकास योजना की घोषणा सरकार ने इस वर्ष के बजट में की है। इसके अंतर्गत कांगड़ा जिला में 390 करोड़ रुपये, हमीरपुर जिला में 257 करोड़ रुपये, कुल्लू जिला में 229 करोड़ रुपये, शिमला जिला में 123 करोड़ रुपये तथा मण्डी जिला में 138 करोड़ रुपये व अन्य स्थानों पर 174 करोड़ रुपये पर्यटन विकास पर व्यय किए जाएंगे। इसके तहत पर्यटन स्थलों पर आधुनिक सुविधाएं, इलैक्ट्रिक बसें, जल क्रीड़ा, थीम पार्क, सड़क किनारे प्रसाधन सहित अन्य सुविधाएं, उच्च स्तरीय फूड कोर्ट, विरासत स्थलों के सौन्दर्यकरण और ईको टूरिज्म के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई है। ग्रीष्म एवं शीतकालीन खेलों का सुचारू आयोजन सुनिश्चित करने के दृष्टिगत शिमला आईस स्केटिंग रिंक का उन्नयन करने के साथ ही मनाली में आईस स्केटिंग तथा रोलर स्केटिंग का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का मानना है कि स्थानीय युवाओं को पर्यटन के साथ जोड़कर रोजगार के स्थायी अवसर सृजित किए जा सकते हैं। इससे पर्यटन विकास सुनिश्चित होगा और प्रदेश के राजस्व में भी बढ़ौत्तरी हो सकेगी। पर्यटन तथा आतिथ्य क्षेत्रों में क्षमता निर्माण से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान कर युवाओं को पर्यटन क्षेत्र की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाने पर भी विशेष ध्यान केन्द्रित किया जा रहा है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडासीबा में चल रहे एनएसएस के विशेष साप्ताहिक शिविर के पांचवें दिन चंडीगढ़ से आए डॉक्टर ओपी सिंह ने बच्चों को करियर गाइडेंस एंड काउंसलिंग के बारे में एक लेक्चर दिया, जिसमें उन्होंने स्वयंसेवियों को प्लस टू करने के बाद कौन-कौन से कोर्स किए जा सकते हैं की जानकारी दी। इस मौके पर प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुरेश नरयाल, सरोज शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि कैंप के दौरान बच्चे भिन्न गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं।
राजकीय महाविद्यालय खुंडिया में रोवर एंड रेंजर इकाई द्वारा भारत स्काउट एंड गाइड्स स्थापना दिवस मनाया गया, जिसके अंतर्गत रोवर एंड रेंजर इकाई के संयोजक वीरेंद्र सिंह ने भारत स्काउट एंड गाइड्स के इतिहास के बारे में बताया। इस दौरान विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसमें रेड रिबन क्लब के प्रतिभागियों द्वारा एड्स व टीबी विषय के ऊपर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इसके बाद रोड एंड सेफ्टी क्लब के संयोजक सुरेंद्र कुमार के द्वारा सभी विद्यार्थियों को यातायात के नियमों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई तथा यातायात के नियमों का पालन करने के लिए शपथ दिलाई गई । समारोह के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार जरियाल जी ने रोवर एंड रेंजर इकाई के सभी प्रतिभागियों व संयोजकों को बधाई दी।
दिवाली से पहले पटाखे बेचने के लिए धर्मशाला में स्थान निर्धारित कर दिए गए हैं इस बाबत एसडीएम धर्मेश रामोत्रा ने आदेश जारी करते हुए कहा कि कचहरी अड्डा, डिपो बाजार, सिविल बाजार तथा इसके आसपास के क्षेत्रों के लिए मिनी सचिवालय के मुख्य द्वार पर ग्राउंड फ्लोर पार्किंग में पटाखे बेचने के लिए स्थान निर्धारित किया गया है इसके साथ ही मुख्य बाजार कोतवाली, कैंट रोड, ब्रिज लाल रोड, गुरुद्वारा रोड, खनियारा रोड, ओल्ड चड़ी रोड, खड़ा डंडा रोड तथा इसके आसपास के क्षेत्रों के लिए कोतवाली के रामलीला ग्राउंड फव्वारा चैक में स्थान निर्धारित किया गया है। मैकलोडगंज तथा इसके आसपास के क्षेत्रों के लिए भागसूनाग रोड पर सब्जी मंडी ओपन प्लेस निर्धारित किया गया है। दाड़ी तथा इसके आसपास के क्षेत्रों के लिए दाड़ी मेला ग्राउंड का स्थान पटाखों को बेचने के लिए निर्धारित किया गया है। एसडीएम ने कहा कि निर्धारित स्थानों के अलावा कहीं भी पटाखे बेचने की इजाजत नहीं दी जाएगी तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि पटाखे बेचने की अनुमति लेने के लिए 9 नवंबर से पहले आवेदन करना जरूरी होगा तथा इसके बाद किसी भी तरह के आवदेन स्वीकृत नहीं किए जाएंगे।
विधानसभा जयसिंहपुर बालकरूपी के अंतर्गत आने वाले गांव के लोगों ने बैंक और प्रशासन से एटीएम लगाने की मांग की है। एटीएम की मांग पहले भी रखी गई थी। बालक रूपी में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा है। एटीएम को लेकर बैंक प्रबंधक से बात हुई थी, लेकिन हेड ऑफिस धर्मशाला से कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। लोगों का कहना है कि बालक रूपी में एक बहुत प्रसिद्ध मंदिर है, जहां हर साल लाखों लोगों दर्शन करने आते हैं और मंदिर परिसर में हर साल मेले होते हैं तो श्रद्धालुओं को बड़ी मुश्किल का सामना करना पड़ता है। मंदिर से थोड़ी दूर आईटीआई, गवर्नमेंट स्कूल, आयुर्वेदिक हॉस्पिटल, आईपीएच ऑफिस के साथ पीडब्ल्यूडी का ऑफिस हैं, यहां लोगों का आना-जाना लगा रहता है। यहां की जानता ने बैंक प्रबंधक और विधायक गोमा से अपील की है कि जल्दी ही बालकरूपी में एटीएम लगाया जाए, ताकि लोगों को एटीएम की सुविधा मिल सके।
-प्रदेश में दुर्गम स्थानों पर मोबाइल वैन योजना कब शुरू कर रही है सरकार -कांग्रेस ने चुनावी घोषणा पत्र में हर वर्ग को ठगने का काम किया नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र कांग्रेस की चुनावी गारंटियों की तरह खोखले निकले। बड़े ज़ोर-शोर से अपने केंद्रीय नेताओं के साथ हिमाचल कांग्रेस के नेताओं ने चुनावी गारंटी के साथ चुनावी घोषणा पत्र भी जारी किया था। जिसमें एक दावा था प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और मजबू करने की। इसके तहत कांग्रेस के नेताओं ने दावा किया था कि दुर्गम स्थानों पर लोगों की राशन देने के लिए मोबाइल वैन की सुविधा शुरू करेगी। सरकारी राशन के डिपो की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ ही राशन डिपो धारकों के मानदेय बढ़ाकर को 20 हज़ार रुपये कर देगी। सरकार ने डिपो में सुविधाएं बढ़ाने के बजाय डिपो में मिल रही सुविधाएं भी कम कर दी हैं। सस्ते दामों मिलने वाले दाल-तेल सहित अन्य सामानों के दाम बढ़ा दिये हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अपने इस चुनावी वादे की स्थिति स्पष्ट करे और बताए कि दुर्गम स्थानों पर राशन पहुंचाने के लिए कितनी मोबाइल वैन सेवाएं शुरू की हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि अपना घोषणापत्र जारी करते समेत कांग्रेस के वरिष्ट नेताओं ने कहा था कि चुनावी घोषणापत्र उनके लिए पवित्र दस्तावेज है। जिसे वह हर हाल में पूरा करेंगे। सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है और सरकार बनने के बाद कांग्रेसी नेताओं ने उस पवित्र दस्तावेज को एक बार छुवा तक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दस गारंटियां देकर सिफ़र् युवाओं, मातृशक्ति और बुजुर्गों को ही नहीं बल्कि समाज के हर वर्ग को किसी न किसी प्रकार के झूठे वादों के ज़रिए ठगने का प्रयास किया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को चाहिए कि वह अपनी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र को एक बार उठाकर देख लें और प्रदेश के लोगों से किए गए वादों को जल्दी से जल्दी पूरा करे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने डिपो के संचालकों के मानदेय को बढ़ाकर 20 हज़ार रुपये प्रति महीना करने का वचन दिया था। इसके साथ ही साथ सहकारी समितियों के विक्रेता और कर्मचारियों को भी निजी डिपोधारकों की तरह वित्तीय लाभ देने की व्यवस्था करने की घोषणा की थी। सरकार बने एक साल होने वाले हैं लेकिन अभी तक न तो सरकार में बैठे लोगों ने इस बारे में कोई बात की है और न ही कांग्रेस पार्टी में ज़िम्मेदार पदों पर बैठे लोगों ने सरकार को अपने इस वादे के बारे में ही याद दिलाया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि झूठ बोलकर एक बार चुनाव तो जीते जा सकते हैं लेकिन लोगों के दिल नहीं। हिमाचल प्रदेश के लोग आने वाले समय में कांग्रेस के इस झूठ का करारा जवाब देंगे।
राष्ट्रीय जैविक एवं प्राकृतिक खेती केंद्र, गाजियाबाद द्वारा वित्त पोषित कार्यक्रम के अंतर्गत सोलन के कृषि विज्ञान केंद्र ने जिला के कृषि अधिकारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया, जिसमें 20 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का समन्वयक डॉ. सीमा ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रीय जैविक एवं प्राकृतिक खेती केंद्र गाजियाबाद से डॉ. रूचि सोनी तथा रवि ने इस कार्यक्रम में अधिकारियों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा केंद्र द्वारा चलाई जा रही परियोजनाओं के बारे में अवगत करवाया। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. जितेंद्र चौहान ने अधिकारियों से आह्वान किया कि किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर प्रोत्साहित करें। केंद्र के वैज्ञानिक डॉ सीमा ठाकुर, डॉ राजेश ठाकुर, डॉ. अनुराग शर्मा तथा डॉ मीरा ने अधिकारियों को प्राकृतिक खेती में उपयुक्त आदानों को बनाने की प्रक्रिया का विस्तृत रूप से प्रदर्शन किया। डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी से सब्जी विज्ञान विभाग में प्रधान वैज्ञानिक डॉ. कुलदीप ठाकुर ने अधिकारियों को प्राकृतिक खेती तथा जैविक खेती पर प्रशिक्षण देते हुए कहा कि जैविक खेती को अपनाने की प्रेरणा देने के साथ-साथ अधिकारियों को जैविक प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में भी किसानों को ज्ञान देने की आवश्यकता है। उन्होंने प्राकृतिक खेती पर जोर देते हुए अधिकारियों से किसानों को प्रोत्साहित करने पर बल दिया।
-राज भवन में हुआ राज्य स्तरीय राज्य पुरस्कार समारोह राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज राज भवन में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के स्थापना दिवस और राज्य स्तरीय राज्य पुरस्कार समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल भी उनके साथ उपस्थित थीं। इस अवसर पर राज्यपाल ने वर्ष 2023 के लिए उत्कृष्ट कार्यों के लिए 42 स्काउट्स एंड गाइड्स एंड रेंजर्स को सम्मानित किया। उन्होंने प्रदेश के 222 से अधिक मेधावी स्काउट्स एंड गाइड्स तथा रोवर, रेंजर्स को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। उन्होंने भारत स्काउट्स एंड गाइड्स हिमाचल प्रदेश के संरक्षक के नाते सभी स्वयंसेवकों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग नई अवधारणा नहीं है अपितु यह पिछले 100 से अधिक वर्षों से समाज एवं समुदाय के उत्थान और बेहतर व्यक्तित्व निर्माण के लिए प्रतिबद्ध विचारधारा है। स्काउटिंग से जुडकर विश्व के करोड़ों युवा संबंधित सेवा क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संस्था एवं विचारधारा की सदस्यता गर्व का विषय है और वैश्विक पटल पर 200 से अधिक राष्ट्रों द्वारा अपने दैनिक तथा व्यावहारिक जीवन में इसे अपनाया गया है। यह एक ऐसी संस्था है विश्व भर में जिसके 5 करोड़ स्वयंसेवी सामाजिक सरोकारों एवं नि:स्वार्थ सेवा कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स वर्तमान युग में युवाओं के लिए मील पत्थर साबित हो रहा है। इसके माध्यम से लाखों युवाओं ने अपना शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, आध्यात्मिक और आर्थिक विकास किया है। यह संस्था भेदभाव से परे सभी स्वयंसेवकों के लिए समान अवसरों का सृजन करती है। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में नशा निवारण और नशे के समूल नाश के लिए युवाओं को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स हिमाचल प्रदेश द्वारा नशे की कुरीति को समाप्त करने के लिए अभिनव अभियान निश्चय आरंभ किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश के सभी भागों में लोगों को इस कुरीति के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है, ताकि इस कुरीति को समूल नाश किया जा सके। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस अभियान से बड़ी संख्या में लोग जुड़ कर नशे जैसी बुराई पर जीत हासिल करने के लिए अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से एक और अभियान की शुरुआत की जा रही है और नशे के विरुद्ध लड़ाई में गांव तथा पंचायत स्तर पर युवाओं के साथ-साथ जन प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने नशे के विरुद्ध प्रदेश पुलिस के प्रयासों, विभिन्न जागरूकता अभियानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज से नशे के समूल नाश के लिए सभी वर्गों के लोगों को एकजुट होने की आवश्यकता है। निदेशक, उच्च शिक्षा अमरजीत शर्मा ने भारत स्काउट्स एंड गाईड्स की विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा, भारत स्काउट्स एंड गाईड्स के एडल्ट रिसोर्सिज की राज्य आयुक्त अंजू शर्मा, उप निदेशक उच्च शिक्षा लेख राज शर्मा और अन्य गणमान्य इस अवसर पर उपस्थित थे।
राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस सोलन मुख्यालय व सोलन जिला के सभी उपमंडलों में मनाया जाएगा। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन आकांक्षा डोगरा ने दी। उन्होंने कहा कि इस दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य उचित निष्पक्ष और न्याय प्रक्रिया के बारे सभी नागरिकों को जागरूक करना है। आकांक्षा डोगरा ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस की शुरूआत वर्ष 1995 में सर्वोच्च न्यायलय द्वारा समाज के गरीब और कमज़ोर वर्गों को सहायता और समर्थन प्रदान करने के लिए की गई थी। उन्होंने कहा कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को कानून के बारे में जागरूक करना है। सभी लोगों तक न्याय पहुंचाने के लिए आरम्भ की गई विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाना है।
-बोले, कैसे चलेगा परिवार का खर्चा, बताए सरकार सरकार के क्रशर बंद करने के निर्णय से जहां विभिन्न निर्माण व अन्य विकास कार्यों पर विराम लगा है, दिहाड़ीदार व अन्य कामगार वर्ग पर भी विपरीत प्रभाव पड़ा है। पिछले लगभग ढाई माह से अधिक समय से क्रशर उद्योग बंद होने से उक्त वर्ग को खाने के लाले पड़ रहे हैं। इस बारे क्षेत्र के विभिन्न क्रशर उद्योगों के कामगारों ने सरकार के इस निर्णय को मजदूर वर्ग विरोधी बताया है। यहां दो दर्जन से अधिक की संख्या में एकत्रित हुए क्रशर व अन्य कार्यों से जुड़े लोगों ने कहा कि पिछले दिनों करवा चौथ के व्रत पर आर्थिक तंगी के कारण वे आवश्यक खरीददारी नहीं कर पाए और यदि सरकार ने क्रशर उद्योग का संचालन शुरू नहीं किया तो अब दिवाली के त्योहार भी फीका रहने के आसार हैं। क्रशर उद्योगों पर चाय का काम करने वाले, वाहनों की मरम्मत करने वाले, लांगरी का काम करने वाले अमरीक सिंह, चैन सिंह, वैल्डर सुरेंद्र पाल, सुरेश बिल्ला व जीवन कुमार आदि ने बताया कि वे उक्त काम कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं, लेकिन सरकार द्वारा क्रशर बंद किए जाने के कारण महंगाई के इस दौर में आर्थिक तंगी से गुजरना पड़ रहा है, जिसके चलते कामगारों में सरकार के प्रति रोष बढ़ता दिखाई पड़ रहा है। श्रमिक वर्ग ने सरकार से दीवाली से पहले क्रशर उद्योग चलाने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो सरकार हर माह जब तक क्रशर उद्योग संचालित नहीं किए जाते तब तर न्यूनतम वेतन अथवा भत्ता राशि जारी करने का प्रावधान किया जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ में कामगारों का कोई कसूर नहीं है, लेकिन सरकार के इस निर्णय से उनके परिवारों को सजा मिल रही है।
हिमाचल प्रदेश विवि में बीएड प्रथम सत्र के प्रशिक्षुओं के लिए आज इंडक्शन कार्यक्रम का दूसरा दिन था। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. मनप्रीत कौर प्राचार्य प्रताप कॉलेज ऑफ एजुकेशन लुधियाना रहीं। उन्होंने कहा कि एक योग्य और अच्छे शिक्षक को विषय वस्तु से अच्छी तरह परिचित होना चाहिए और इसे सर्वोत्तम शिक्षण माध्यम से प्रदान करने में सक्षम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अच्छे अध्यापक को विभिन्न छात्रों की बुद्धि के स्तर के अनुसार विषयों को समझने में मदद कर करनी चाहिए। द्वितीय तकनीकी सत्र आचार्य अजय कुमार अत्री ने लिया। उन्होंने शिक्षण की अवस्थाओं एवं स्तरों की विस्तृत व्याख्या की। डॉ. युद्धवीर एवं डॉ. कनिका हांडा ने व्याख्यान प्रस्तुत किया। शोधार्थी मुकेश कुमार ने विभाग की विस्तृत व्याख्या पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की कार्यक्रम के संयोजक डॉ. चमन लाल ने सभी आचार्य वर्ग का धन्यवाद प्रेषित किया।
अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला के लिए कलाकारों का चयन ऑडिशन के माध्यम से किया जाएगा। ऑडिशन में सिरमौर सहित अन्य जिलों से श्रेणी 'सीÓ व 'डीÓ के कलाकार चयनित किए जायेंगे। कलाकारों के चयन के लिए आगामी 16 नवंबर को प्रात: 9 बजे एसएफडीए सभागार नाहन में ऑडिशन होंगे। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं उपाध्यक्ष श्री रेणुका जी विकास बोर्ड एलआर वर्मा ने आज मंगलवार को नाहन में श्री रेणुका जी मेले की सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि ऑडिशन में चयनित कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला-2023 की सांस्कृतिक संध्याओं में 22 नवंबर से 27 नवंबर तक प्रस्तुतियां देने का अवसर प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह ऑडिशन कलाकार चयन समिति की निगरानी में गीत-संगीत के प्राध्यापकों द्वारा की जाएंगी। इच्छुक कलाकारों को 16 नवम्बर को प्रात: 9 बजे निर्धारित स्थल पर पहुंचने के लिए कहा गया है, हालांकि ऑडिशन देर सांय तक चल सकती है। एलआर वर्मा ने कहा कि कलाकारों का पंजीकरण मौके पर ही किया जाएगा। इसके अलावा इच्छुक कलाकार अपना आवेदन जिला भाषा अधिकारी सिरमौर और जिला लोक सम्पर्क अधिकारी सिरमौर को 15 नवंबर तक कर सकते हैं। चयनित कलाकारों को उनके लिए निर्धारित प्रस्तुति की तिथि के अनुसार दूरभाष के माध्यम से एक दिन पूर्व सूचित किया जाएगा। ऑडिशन में भाग लेने वाले कलाकारों को आने-जाने व ठहरने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। उन्होंने कहा कि श्रेणी 'एÓ तथा 'बीÓ के स्थापित कलाकारों का चयन सांस्कृतिक समिति द्वारा उनके आवेदनों तथा पूर्व में गायन के रिकार्ड व अनुभव के आधार पर किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष न. 01702-223115 पर संपर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी कांता नेगी, सहायक लोक संपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह व अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जनपद में स्थित राजकीय महाविद्यालय शिवनगर की रेंजर्स एवं रोवर्स इकाई द्वारा झंडा दिवस मनाया गया। इस गतिविधि से जुड़े सभी बच्चों ने तिरंगा झंडा लहरा कर समाज और देश सेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। इकाई के संयोजक प्रोफेसर योगेश पाण्डेय ने इस दिन की महत्ता पर प्रकाश डाला। प्राचार्य प्रोफेसर उपेंद्र शर्मा ने बच्चों के उत्साह पर उनकी प्रशंसा की और अपने विद्वान अध्यापकों के मार्गदर्शन में समाज सेवा के कार्य में और तल्लीनता से जुटने का आग्रह किया। इस मौके पर प्रोफेसर संजीव शर्मा, प्रोफेसर राजेश कुमार, प्रोफेसर उज्जवल सिंह, प्रोफेसर विवेकानंद शर्मा भी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के लोक प्रशासन विभाग ने '21वीं सदी में शासन के बदलते प्रतिमान मुद्दे और चुनौतियां' विषय पर एक सह संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो-वाइस-चांसलर प्रोफेसर राजिंदर वर्मा थे, जिन्होंने अपने संदेश में प्रभावी सार्वजनिक सेवा वितरण सुनिश्चित करने के लिए नागरिक केंद्रित शासन की वकालत की। संगोष्ठी में सम्मानित अतिथि अध्ययन संकायाध्यक्ष प्रो. बीके थे। शिवराम ने विशेष रूप से प्रकाश डाला कि शैक्षणिक सुधारों की क्या आवश्यकता है। एचपीयू के रजिस्ट्रार डॉ. वीरेंद्र शर्मा मुख्य वक्ता थे, जिसमें उन्होंने अपने विशाल प्रशासन अनुभव को साझा किया। उन्होंने विश्वविद्यालय स्तर पर आवश्यक विभिन्न प्रशासनिक सुधारों पर भी चर्चा की। डीएसडब्ल्यू, प्रो. श्याम लाल कौशल ने परीक्षा सुधारों और डीन प्लानिंग एंड टीचर्स मैटर्स प्रो. जेएस के बारे में बात की। धीमान ने विश्वविद्यालय प्रशासन में समावेशी उपायों के बारे में बात की। मुख्य वक्ता डॉ. केएल हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षा नियामक आयोग के सचिव सैजल ने आपदा प्रबंधन पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इस अवसर पर 30 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किये गये।
जिला दंंडाधिकारी सोलन मनमोहन शर्मा ने दीपावली पर्व के दृष्टिगत सभी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पटाखों की बिक्री और प्रयोग के संबंध में एहतियाती उपायों के विषय में आवश्यक आदेश जारी किए हैं। ये आदेश आपराधिक दंड संहिता की धारा 144 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए हैं। इन आदेशों के अनुसार नगर निगम सोलन की परिधि में लोअर बाजार सोलन, चौक बाजार, अप्पर बाजार, लक्कड़ बाजार, गंज बाजार, माल रोड और पुराना बस अड्डा सोलन में पटाखों के भंडारण, बिक्री और प्रदर्शनी पर तुरंत प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है। यह प्रतिबंध 14 नवंबर तक लागू रहेगा। इन आदेशों के अनुसार नगर निगम सोलन की परिधि में ठोडो मैदान, बाई पास सोलन पर सब्जी मंडी के सामने खुला स्थान, सपरुन सोलन में पुराना नगर नियोजन कार्यालय के समीप बड़ोग बाई पास मार्ग के आरंभ में खुला स्थान, चंबाघाट में वर्षा शालिका के समीप और ब्रूरी में मोहन मीकिन फैक्ट्री के गेट के सामने खुले स्थान पर ही पटाखों की खुदरा बिक्री की जा सकेगी। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि दीपावली त्योहार के समय पटाखों की खुदरा बिक्री के लिए अस्थाई लाइसेंस अथवा परमिट, संबंधित लाइसेंस प्राधिकरण द्वारा जारी किए जाएंगे। इस उद्देश्य के लिए स्थान अथवा स्टॉल नगर निगम सोलन के आयुक्त द्वारा उपमंडलाधिकारी सोलन के परामर्श से पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। समक्ष प्राधिकरण द्वारा जारी लाइसेंस धारक को ही पटाखों की बिक्री भंडारण की अनुमति होगी। आदेशों के अनुसार रॉकेट एवं उड़ने वाले पटाखों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बाजार, सरकारी कार्यालयों एवं भवनों, रसोई गैस संयंत्र के समीप, पेट्रोल पंप, विरासत भवनों एवं आवासों के समीप पटाखों का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। आदेशों के अनुसार माननीय सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण द्वारा पटाखों के संबंध में दिशा-निर्देश तथा हिमाचल प्रदेश सरकार के पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा जारी निर्देशों का अक्ष:रश पालन सुनिश्चित बनाना होगा। आदेशों के अनुसार केवल पर्यावरण हितैषी पटाखे चलाने की ही अनुमति होगी। दीपावली त्यौहार के दिवस पर पटाखे चलाने के लिए रात्रि 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। आदेशों एवं प्रचलित निर्देशों के उल्लंघन पर विधिसम्मत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-योजना का लाभ उठाकर जगदीश प्रतिवर्ष कमा रहे 8-10 लाख -मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना से सत्तर प्रतिशत मिल रहा किसानों को उपदान धर्मशाला। मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना के तहत सरकार से उपदान पर खेतों के लिए मिली सोलर फेंसिंग की सुविधा किसानों बागबानों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है, फसल और पौधों के सुरक्षा कवच ने खेतों में हरियाली और किसानों के चेहरों पर लाली लौटा दी है। इसी योजना का लाभ उठाकर शाहपुर के सलोल के बागबान जगदीश सैणीे प्रतिवर्ष आठ से दस लाख की आमदनी अर्जित कर अपने परिवार का भविष्य संवार रहे हैं वहीं सोलर फेंसिंग लगाकर पौधों को सुरक्षा कवच प्रदान ही नहीं किया बल्कि अपने दिन रात की मेहनत के फल में निश्चिंतता के रंग भर दिए। जगदीश सैणी उन किसानों के लिए भी प्रेरणा पुंज बने हैं जिन किसानों ने जंगली जानवरों के डर से अपने खेतों को बंजर छोड़ दिया है और सोलर फेसिंग योजना का लाभ उठाकर किसान खेतीबाड़ी की ओर पुन: लौटने लगे हैं। सलोल के बागवान जगदीश चंद सैणी ने बताया कि वह पहले खेतों में सब्जियां उगाकर अपने परिवार का जीवन यापन करते थे लेकिन जंगली जानवरों के कारण उनकी 50 से साठ प्रतिशत फसल बर्बाद हो जाती थी, खेतों की रखवाली के लिए खेतों के चारों तरफ कटीली झाड़ियों का बाड़ लगाया करते थे, लेकिन इसे जंगली जानवर तोड़कर खेतों में प्रवेश कर जाया करते थे और फसलें नष्ट कर देते थे। जिसके कारण उनको काफी नुक्सान उठाना पड़ता था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना के बारे में जब कृषि विभाग के विशेषज्ञों ने उनको खेतों की फेंसिंग के लिए सत्तर प्रतिशत अनुदान के बारे में जानकारी दी तो तो उन्होंने इस योजना का लाभ उठाते हुए 50 कनाल में सात सौ मीटर के लगभग पांच लाख की लागत से सोलर फेंसिंग करवाई जिसमें 95 हजार रूपये खर्च किए जबकि सरकार की ओर से 4 लाख 5 हजार का अनुदान दिया गया तथा उन्होंने अपने 50 कनाल के खेत में 2000 पौधे नींबू, 800 पौधे गलगल, 200 पौधे मौसमी के लगाए हैं। इसके अलावा सरकार की ओर से दो बोरबेल तथा ड्रिप ईरिगेशन के लिए उपदान भी दिया गया। उन्होंने कहा कि सोलर फेंसिंग के कारण पौधों को जंगली जानवर किसी भी तरीके का नुक्सान नहीं पहुंचा रहे हैं। जगदीश सैणी ने बताया कि अब वर्ष में पांच से छह लाख रूपये के करीब नींबू तथा तीन से पांच लाख के करीब गलगल बेचकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं तथा इनकी फसल को खेतों से खरीद लिया जाता है। जगदीश सैणी ने कहा कि सभी किसानों को इस योजना का लाभ उठाकर किसान जंगली जानवरों से चिंतामुक्त होकर अपनी खेती से बेहतर आमदनी अर्जित कर सकते हैं तथा बंजर भूमि का भी सही उपयोग हो सकेगा। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि कृषि में स्वरोजगार की असीम संभावनाएं हैं तथा सरकार की ओर से किसानों की उन्नति के लिए विभिन्न योजनाएं क्रिर्यान्वित की जा रही हैं इन योजनाओं का लाभ सभी किसानों तक पहुंचाने के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों को व्यापक प्रचार प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से किसानों की आमदनी दुगुनी करने के लिए आरंभ की गई हिम उन्नति योजना के तहत भी किसानों को कृषि विभाग की तरफ से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उप निदेशक राहुल कटोच ने कहा कि मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना के तहत फसलों को जंगली जानवरों तथा पशुओं से बचाने के लिए सरकार की ओर से सोलर फेंसिग के लिए सत्तर प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जा रहा है तथा कांगड़ा जिला में किसानों को खेत संरक्षण योजना के बारे में जागरूक भी किया जा रहा है ताकि किसान अपनी फसल को बचा सकें और अच्छी आमदनी अर्जित कर सकें। उन्होंने कहा कि खेत संरक्षण योजना का लाभ लेने के लिए एग्रीडीबीटी ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
राजकीय महाविद्यालय ढलियारा की रोवर्स रेंजर्स इकाई द्वारा भारत स्काउट एवं गाइड का 74वां स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अंजू रानी चौहान ने की। इस अवसर पर रोवर्स रेंजर्स द्वारा ध्वजारोहण किया गया। अपने अध्यक्षीय भाषण में प्राचार्य ने स्काउटिंग का महत्व बताते हुए रोवर्स रेंजर्स को इसमें अपनी अधिक से अधिक भूमिका निभाने का आह्वान किया। रोवर्स एवं रेंजर्स इकाई द्वारा भाषण, पोस्टर मेकिंग, प्रश्नोत्तरी, पायनरिंग आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रेंजर्स लीडर प्रो. वंदना राणा ने समस्त रोवर्स एवं रेंजर्स को स्थापना दिवस की बधाई दी तथा भारत स्काउट एवं गाइड की भूमिका बताते हुए समस्त रोवर्स रेंजर्स को स्काउटिंग के प्रति उनके कर्तव्यों को बताते हुए स्काउटिंग में अधिक अधिक भाग लेने को कहा। इस अवसर पर प्रो. सुनीता शर्मा, रेंजर लीडर प्रो. शर्मीता, रोवर लीडर प्रो. सतपाल तथा प्रो. कपिल, प्रो. अक्षय, कार्यालय अधीक्षक ओंकार चांद डोगरा उपस्थित रहे।
-देवदूत बनकर पहुंची कुठार खुर्द की दामिनी -सांप को पकड़ संगत को किया भयमुक्त ऊना के राधा स्वामी सत्संग भवन में आज कुछ संगत सेवा में लगी थी तो एक जगह संगत को एक सांप दिखाई दिया। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत दामिनी को दी और कुछ ही देर में दामिनी वहां पर पहुंच गई। दामिनी ने कुछ ही मिनट के अंदर इस सांप को पकड़ लिया। सभी संगत ने इस कार्य के लिए दामिनी का धन्यवाद किया। वहीं, दामिनी ने बताया कि यह रसल वाइपर प्रजाति का सांप है, जो कि बहुत खतरनाक होता है। इसमें बहुत ज्यादा जहर होता है। अगर यह एक बार किसी को काट ले तो सबसे पहले उसको सूजन आती है और कुछ ही टाइम बाद उस इंसान की मौत हो जाती है। संगत ने जब दामिनी से पूछा कि उसे सांप से डर नहीं लगता तो उसने कहा, 'सांप से हर कोई डरता है, लेकिन इसे पकड़ने का एक तरीका होता है, जो कि मैंने अपने पिता से सीखा और आज लोगों की सेवा में जुटी हूं।' उसने बताया कि अगर कोई आर्थिक योगदान देता है तो वो पैसा काल भैरव के भंडारे के लिए इस्तेमाल किया जाता है। दामिनी ने लोगों को 5 दिसंबर को काल भैरव जी के भंडारे में आने को आमंत्रित भी किया।
अनिल नेगी/रामपुर बुशहर। तहसील नेरवा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत थरोज के गांव थांची निवासी साक्षी पुत्री रमेश ने दिल्ली में संपन्न मिस एशिया इंटरनेशनल-2023 उप विजेता का खिताब अपने नाम किया है। साक्षी मध्यम वर्गीय परिवार से संबंध रखती है। उसके पिता रमेश लंबे समय से बेडसोल बीमारी से जूझ रहे हैं, विपरीत परिस्थितियों के बावजूद साक्षी ने कड़ी मेहनत कर अपनी मंजिल को हासिल किया। वहीं, बेटी की इस उपलब्धि पर जहां पिता रमेश और ग्रामीण गदगद हैं, वहीं साक्षी ने संपूर्ण हिमाचल को इस कामयाबी से गौरवान्वित करवाया है।
प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत गगवाल में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने लोगों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में एसडीएम इंदौरा डॉ. सुरेंद्र ठाकुर, डीएसपी विशाल वर्मा, नायब तहसीलदार परवेश शर्मा, बीडीओ सुदर्शन सिंह, अधि. अभियंता रविंद्र कुमार, बीएमओ संदीप महाजन, वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिनव ठाकुर सहित कृषि, बागवानी, लोक निर्माण विभाग व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अलग-अलग गांवों से आए हुए निजी व सामूहिक कार्यों से संबंधित लगभग 60 शिकायतें विधायक के सम्मुख प्रस्तुत की गईं। इनमें से अधिकांश का मौका पर ही निपटान किया गया व अन्य को विभागाधिकारियों को चरणबद्ध ढंग से निवारण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने बताया कि क्षेत्र में ऐसे कई गांव हैं, जहां आवागमन सुगम न होने के चलते वे विधायक कार्यालय तक नहीं पहुंच पाते। लोगों को अपनी समस्याओं को लेकर बार-बार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पडें, इसलिए विधानसभा क्षेत्र को अलग-अलग जोन में बांटा गया है, जिसमें सभी जोन में एक केंद्रीय स्थल पर सभी विभागों के अधिकारियों को साथ लेकर विधायक व प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम चरणबद्धता से आयोजित किया जाएंगे, ताकि घर-द्वार पर ही लोगों की समस्याओं का हल हो सके।
-कहा, पायलट आधार पर डीसी कार्यालय परिसर में वर्षा जल संग्रहण ढांचा होगा विकसित -धर्मशाला में कैच द रेन अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित कांगड़ा जिला में भूजल स्तर की कमी वाले क्षेत्रों में वर्षा जल संग्रहण ढांचे तथा चैक डैम निर्मित करने के लिए विशेष कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि जल संरक्षण की दिशा में बेहतर कदम उठाए जा सकें। उपायुक्त डा निपुण जिंदल ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर के सभागार में जल शक्ति मिशन के तहत आयोजित कैच दे रेन अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, जल शक्ति विभाग तथा वन विभाग के माध्यम से निर्मित जल संग्रहण ढांचों की सूची तैयार की जाएगी ताकि इन जल संग्रहण ढांचों का उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जा सके। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि कैच दि रेन के तहत जल संरक्षण के लिए प्लान तैयार किया गया है इस के लिए ब्लाक स्तर तथा पंचायत स्तर पर टास्क फोर्स भी गठित की गई है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के समय समस्त क्षेत्रों में खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जल की कमी हो जाती है तथा जल स्तर में गिरावट दर्ज होती है इसी को ध्यान में रखते हुए वर्षा जल संग्रहण पर विशेष बल दिया गया है। इसी कड़ी में केंद्र सरकार की ओर से अमृत सरोवर योजना के तहत तालाबों का संरक्षण तथा सौंदर्यीकरण किया जा रहा है इससे जल स्तर पर में भी बढ़ोतरी होगी तथा अमृत सरोवरों के जल का उपयोग कृषि तथा पशु पालन कार्यों में किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत भी सिंचाई के लिए वर्षा जल संग्रहण के लिए विशेष प्रावधान किया गया है विभिन्न स्तरों पर जल भंडारण टैंक निर्मित करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत वर्षा जल संग्रहण के लिए निर्मित किए जाने वाले ढांचों या चैक डैम के लिए बेहतर डिजाइन तैयार किया जा रहा है। उपायुक्त ने कहा कि सभी सरकारी संस्थानों में वर्षा जल संग्रहण ढांचे विकसित किए जाएंगे इस के लिए प्रारंभिक तौर पर धर्मशाला डीसी कार्यालय परिसर में वर्षा जल संग्रहण ढांचा विकसित किया जाएगा इससे फायर हाइड्रेंट के लिए भी पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने का प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त डा निपुण जिंदल ने कहा कि चरणबद्व तरीके से सभी सरकारी कार्यालयों में प्राथमिकता के आधार पर जल संग्रहण ढांचे विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कैच दे रेन अभियान के तहत देहरा, पालमपुर, ज्वालाजी तथा इंजीनियरिंग कालेज मस्सल, टांडा मेडिकल कालेज के लिए जल शक्ति विभाग के माध्यम से योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। पानी की कमी की समस्या का होगा समाधान पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा जल का प्रवाह अत्यधिक होने से अधिकांश जल बहकर नदीं-नालों में चला जाता है। पानी के साथ-साथ मृदा कटाव भी होता है, जिससे उपजाऊ भूमि की उर्वरता कम होती है। लेकिन इस तरह के अमृत सरोवरों का निर्माण किए जाने से वर्षा जल को अधिक से अधिक मात्रा में संग्रहित किया जा सकता है। जिससे अधिकाधिक क्षेत्र की सिंचाई करते हुए किसानों व बागवानों द्वारा अधिक उत्पादन भी प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर एडीसी सौरभ जस्सल, जल शक्ति, कृषि, बागबानी, मत्स्य पालन तथा वन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
-निर्माण कार्य का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर कालेज में छात्राओं को शीघ्र ही छात्रावास की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी इसके निर्माण पर 4 करोड़ 79 लाख की राशि व्यय की जा रही है। सोमवार को शाहपुर कालेज में निर्माणाधीन छात्रावास के कार्यों का निरीक्षण करते हुए विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं ताकि छात्राओं को रहने के लिए बेहतर सुविधा मिल सके। विधायक केवल सिंह पठानिया ने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों को लेकर किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाए तथा समयबद्व कार्यों को पूर्ण किया जाए। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। सभी पंचायतों का बिना किसी भेदभाव के विकास करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए भी सरकार कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि बच्चों के समग्र विकास के उद्देश्य से खोले जाने वाले राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल सभी अत्याधुनिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं से लैस होंगे। इस योजना के कार्यान्वयन के लिए सरकार चरणबद्ध योजना के तहत 300 करोड़ रुपये व्यय करेगी। उन्होंने कहा कि यह सभी स्टेट ऑफ आर्ट स्कूल बनकर तैयार होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इन स्कूलों का चरणबद्ध तरीके से निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बच्चों के सम्पूर्ण विकास हेतु पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इनमें प्री-प्राईमरी से बारहवीं तक की शिक्षा सुविधा के साथ सभी प्रकार की इंडोर एवम् आउटडोर खेल सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। जहां पानी की समुचित उपलब्धता होगी वहाँ स्वीमिंग पूल का भी प्रावधान किया जाएगा। इस अवसर पर कालेज की प्रिंसिपल मीनाक्षी दत्ता, प्रधान बबली तथा वरिष्ठ काँग्रेस नेता देवदत शर्मा सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 के दौरान 27 अक्तूबर से 09 दिसम्बर, 2023 तक पुनरीक्षण की गतिविधियों के पर्यवेक्षण के लिए आज मुख्य निर्वाचन अधिकारी, मनीष गर्ग ने कांगड़ा, शिमला व मण्डी के मण्डलायुक्तों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी प्रक्षेकों को पुनरीक्षण अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियों के संदर्भ में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह इस विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची प्रेक्षक, प्राप्त हो रहे दावे व आक्षेपों के निपटारे की गुणवत्ता, मतदाता सूचियों में लिंग अनुपात, जनसंख्या अनुपात व आयु वर्गवार पंजीकरण में अंतर को कम करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का प्रेक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अवधि के दौरान प्रेक्षक 3 बार क्षेत्रीय दौरे करना सुनिश्चित करें। पहले दौरे में विद्यमान सांसदों/ विधायकों/राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी करेंगे और प्रत्येक दौरे के पश्चात मुख्य निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से आयोग को रिपोर्ट प्रेषित करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनैतिक दल अथवा सर्वसाधारण को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 में यदि कोई विषय प्रस्तुत करना हो तो वे मतदाता सूची प्रेक्षकों से दूरभाष पर सम्पर्क कर सकते हैं। इसके लिए मण्डलायुक्त कांगड़ा से दूरभाष नंबर 94970-34035, मंडलायुक्त शिमला से 94180-39998 और मंडलायुक्त मंडी से 94180-88701 पर संपर्क किया जा सकता है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों और आम लोगों से मतदाता सूचियों के इस विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 का लाभ प्राप्त करने के लिए सभी पात्र नागरिकों को 9 दिसम्बर, 2023 से पहले अपने नाम संबंधित मतदाता सूची में सम्मिलित करवाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है, ताकि वे देश के लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
-तकनीकी शिक्षा में गुणवत्ता लाने के साथ ही पाठ्यक्रम को रोज़गारपरक बनाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध आधुनिक प्रौद्योगिकी के उपयोग से सरकारी सेवाओं का सरलीकरण सुनिश्चित हुआ है। प्रदेश सरकार पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 'डिजिटल इंडिया' की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके दृष्टिगत विभागों में सूचना प्रौद्योगिकी का अधिक से अधिक इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश सरकार की इस पहल को आगे बढ़ाते हुए अपनी विभिन्न सेवाएं ऑनलाइन की हैं। हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड प्रदेश में स्थित बहुतकनीकी संस्थानों, फार्मेसी और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं आयोजित करवाता है। बोर्ड द्वारा बहुतकनीकी और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के छात्र व छात्राओं की प्रवेश प्रक्रिया, काउंसलिंग तथा पंजीकरण प्रक्रिया को वैब आधारित मॉड्यूल के माध्यम से ऑनलाइन कर दिया गया है। इस वैब आधारित मॉड्यूल के माध्यम से अब छात्र-छात्राएं अपने परीक्षा फार्म तथा पुनर्मूल्यांकन फार्म भी ऑनलाईन माध्यम से भर सकते हैं। इसके लिए निर्धारित शुल्क भी ऑनलाइन जमा करवा सकते हैं। इस मॉड्यूल के माध्यम से सभी सरकारी और निजी बहुतकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों के सत्रीय और प्रायोगिक अंक भी ऑनलाइन ही बोर्ड में जमा किए जा सकते हैं। बोर्ड द्वारा माइग्रेशन प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया भी ऑनलाइन कर दी गई है। बहुतकनीकी संस्थानों के विद्यार्थी अब ऑनलाइन माध्यम से बोर्ड की वैबसाइट पर इसके लिए आवेदन तथा निर्धारित शुल्क भी ऑनलाइन ही जमा करवा सकते हैं। बोर्ड द्वारा सभी सरकारी व निजी बहुतकनीकी संस्थानों को सम्बद्धता जारी करने की प्रक्रिया भी ऑनलाइन की गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि वर्तमान प्रदेश सरकार तकनीकी शिक्षा में गुणवत्ता लाने के साथ ही पाठ्यक्रम को रोज़गारपरक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके दृष्टिगत वर्ष 2023-24 से कई मूल्यवर्धित पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। इनमें रोबोटिक्स, ब्लॉक-चेन टैक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कम्प्यूटिंग, डॉटा एनालिटिक्स, आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंंग जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के 13 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में इलेक्ट्रिक व्हीकल मकैनिक, मैंटेनेंस मकैनिक, सोलर टेक्निशियन, ड्रोन टैक्निशियन, मैक्ट्रोनिक्स तथा इंटरनेट ऑफ थिंग्ज टैक्निशियन के कोर्स आरम्भ किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री का मानना है कि बदलते परिवेश के साथ वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए युवाओं को अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी पर आधारित प्रशिक्षण प्रदान करना समय की मांग है। प्रदेश सरकार इस दिशा में ठोस व सार्थक कदम उठाते हुए प्रदेश के विकास में युवा ऊर्जा के योगदान व दोहन की दिशा में आगे बढ़ रही है।
गत दिनों राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल डुग्यारी में जिला स्तरीय संसद का आयोजन किया गया। इसमें 21 शिक्षा खंडों के स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस संसद में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कथोग ने प्रथम स्थान हासिल किया। कथोग स्कूल की छात्रा आरुषी ठाकुर को बेस्ट स्पीकर के अवॉर्ड से नवाजा गया। वहीं, चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में स्कूल के विद्यार्थियों ने साइंस एक्टिविटी सीनियर वर्ग में खंड स्तर पर प्रथम और जूनियर वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
-कई कंपनियों ने भुगतान न किए जाने पर सरकार को काम बंद करने का दिया अल्टीमेटम नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में अन्य सुविधाओं की तरह स्वास्थ्य सुविधाओं का बुरा हाल है। सरकार की तरफ़ से कोई सुध लेने वाला नहीं है। परेशान हालत में लोग अस्पतालों के चक्कर काट रहे हैं। कहीं जांच नहीं हो पा रही है तो कहीं इलाज के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेशवासियों का स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकता में है ही नहीं। प्रदेश में ज़रूरतमंदों को स्वास्थ्य सुविधाएं दे रही कंपनियों का भुगतान लंबे समय से रोका गया है जिससे उन कंपनियों के सामने व्यवस्थाओं को जारी रखने में असुविधा हो रही है। कंपनियां अपने बकाया धनराशि का भुगतान किए जाने की मांग करते-करते थक गई। कई सेवा प्रदाता कंपनियों ने सेवाएं बंद कर दी है। कई कंपनियों ने सेवाएं बंद करने की चेतावनी दी है। आश्चर्य इस बात का है कि फिर भी सरकार कुछ नहीं कर रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार की इसी लापरवाही की वजह से कुल्लू रीजनल अस्पताल में चल रही डायलिसिस सेवाएं, सेवा प्रदाता संस्था ने रोक दी जिससे मरीज़ों की जान पर बन आई। मजबूर होकर लोग निजी अस्पतालों की सेवा ले रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि सरकार क्या कर रही है। क्या इसी व्यवस्था परिवर्तन की बात कांग्रेस के नेता सरकार बनने के पहले कर रहे थे। जहां नि:शुल्क मिल रहे इलाज बदले लोगों को हज़ारों रुपये हर हफ़्ते अपनी जेब से खर्च करने पड़े। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इसी तरह से हिमकेयर के तहत इलाज के लिए इम्पैनल्ड अस्पतालों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। हिमकेयर के तहत चिकित्सकीय सामान उपलब्ध करवाने वाली कंपनियों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। जिस कारण कंपनियों ने चिकित्सकीय सामान की सप्लाई रोक दी है। जिससे लोगों के ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं। कोरोना काल में प्रदेश में निर्बाधरूप सी ऑक्सीजन की सप्लाई करने के लिए पूर्व सरकार द्वारा स्थापित किए गए ऑक्सीजन प्लांट भी सरकार की लापरवाही के कारण बंद पड़े हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कुल मिलाकर प्रदेश में हर तरफ़ अव्यवस्था का आलम है। स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से चरमरा गई है। इसका एकमात्र कारण है कि जनहित की सुविधाएं इस सरकार की प्राथमिकता में नहीं हैं। अस्वस्थ्य लोगों को भी सरकार द्वारा जानबूझकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रदेश के लोगों ने इसलिए सत्ता सौंपी की वह और बेहतर काम करें न कि पूर्व सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहित की योजनाओं को ठप कर दे। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार जनहित से जुड़ी, स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं को अपनी प्राथमिकता बनाए। किसी भी दशा में स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाएं रुकनी नहीं चाहिए। राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट नेता प्रतिपक्ष ने आज राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से शिष्टाचार भेंट की। सोमवार शाम को राजभवन पहुंचे जयराम ठाकुर ने बताया कि महामहिम से मिलकर उन्होंने प्रदेश की वर्तमान स्थितियों से अवगत करवाया। इस दौरान महामहिम महोदय से विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
- एसएफआई और एनएसयूआई के छात्रों में हुई हाथापाई एचपीयू कैंपस में छात्र धरने के दौरान दो छात्र गुटों में झड़प हो गई। एचपीयू परिसर में हुई छात्र गुटों में बहस तब शुरू हुई जब एनएसयूआई के छात्रों द्वारा एसएफआई के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू का पुतला फूंकने का विरोध किया गया। एनएसयूआई राज्य अध्यक्ष छत्तर ठाकुर ने कहा कि विवि परिसर के अंदर मुख्यमंत्री के लिए अभद्र भाषा में नारें मारने और मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने का जब एनएसयूआई के एक छात्र ने विरोध किया तो एसएफआई के प्रदर्शनकारियों ने पिंक-पेटल में ही उस पर हमला कर लिया। सुरक्षा कर्मियों और पुलिस के बीच बचाव के चलते एनएसयूआई के छात्र जैसे तेज़ वहां से निकला लेकिन एसएफआई के छात्रों द्वारा उक्त एनएसयूआई के छात्र का पीछा कर वीसी कार्यालय के पास फिरसे उसे गाड़ी में घेर लिया और गाड़ी से बाहर खींचने का भी प्रयास किया। इस दौरान कुछ एसएफआई छात्रों ने गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। परिसर प्रभारी परवीन मिन्हास और परिसर अध्यक्ष योगेश यादव ने मांग की कि आए दिन विश्वविद्यालय में एसएफआई के गुंडा तत्वों द्वारा धरनों के नाम पर परिसर की शांति भंग करने व शैक्षणिक माहौल को खराब करने की शाजिश को अंजाम दिया जाता है। मिन्हास व यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि विवि प्रशासन सहित विवि सुरक्षा अधिकारी व पुलिस का रवैया हमेशा की तरह एक-तरफा है और दोषी छात्रों पर कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। पीड़ित छात्र की ओर से विवि सुरक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत भी सौंपी गई है। एनएसयूआई के छात्रों ने मांग की है कि अगर दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई न कि गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
डायनामिक युवा मंडल नाहन द्वारा छठे हिमाचल लोक उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि अमित कुकरेजा ओएसडी देश भगत यूनिवर्सिटी, विशिष्ट अतिथि विशाल शर्मा, अरुण जोशी, पवन शर्मा डायरेक्टर ऑफ़ बीआरसी इंस्टिट्यूट माल रोड नाहन, दीपक सिवाच ओनर ऑफ़ एफएम स्टूडियो जिम एंड हेल्थ कैफे नाहन, कुलदीप ठाकुर प्रिंसिपल एसबीएन पब्लिक स्कूल, जोगेंद्र ठाकुर एसडीओ आईपीएस नाहन, ज्ञान ठाकुर सिटी सेल प्वाइंट नाहन, चमन भंडारी हाउस फैशन नियर पीजी कॉलेज नाहन, रोशन शर्मा जेई आईपीएस, मिस राम शर्मा एसडीओ सिरमौर रहे। उत्सव में स्लोगन राइटिंग सीनियर में निकिता शर्मा प्रथम, अंजलि द्वितीय व तृतीय स्थान पर स्नेहा चौहान रही। वहीं, पेंटिंग सीनरी में प्रथम स्थान सावनी चौहान, द्वितीय स्थान प्रगति चौहान, तृतीय स्थान भानुप्रिया, स्लोगन राइटिंग जूनियर प्रथम स्थान उमंग ,द्वितीय स्थान समृद्धि ,तृतीय स्थान मयंक ठाकुर, पेंटिंग जूनियर प्रथम स्थान अली हैदर, द्वितीय स्थान आराधना, तृतीय स्थान विशाल ने हासिल किया। हिमाचल लोक उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर राजीव थापा व प्रसिद्ध हिमाचली गायक दीपक चौहान ने खूब समा बांधा और लोगों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम में डायनामिक युवा मंडल अध्यक्ष ओपी ठाकुर उपाध्यक्ष प्रदीप शुप्ता,महासचिव सतीश राणा, सचिव योगेश ठाकुर, सदस्य योगी ठाकुर, धनवीर सिंह, विक्रम शर्मा, सुरेंद्र शर्मा,राहुल शर्मा, रणदीप ठाकुर, मनदीप इत्यादि मौजूद रहे।
पुलिस थाना ज्वालमुखी के अंतर्गत तनीष पुत्र राकेश कुमार निवासी वार्ड 5, डाकघर व तहसील ज्वालमुखी, जो कि अपनी स्कूटी पर डोल से ज्वालमुखी आ रहा था कि डोल से निकलते ही उसकी स्कूटी 45 वर्षीय तिलक राज पुत्र रिखी राम निवासी सकडयालु से हो गई, जिस कारण तिलक राज की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल देहरा लाया गया है व स्कूटी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने की है।
पंडित संत राम राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ की एनएसएस इकाई द्वारा आयुर्वेद दिवस पर एक व्याख्यान का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में डॉक्टर रंजना कपूर संसाई ने शिरकत की। उन्होंने आयुर्वेद के विभिन्न लाभों की जानकारी छात्रों से साझा की। उन्होंने बताया कि अपनी जीवनशैली को आयुर्वेद के अनुरूप कैसे ढाला जाए और रोगों से कैसे बचा जाए। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर महेंद्र पाल, प्रोफेसर राजकुमार पठानिया और अन्य प्रध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस अधिकारी डॉक्टर सुलक्षणा शर्मा ने किया।
- जीएसटी एक्ट के तहत 5,03,175 रुपये जुर्माना वसूला सोलन जिले में गत दिवस चेकिंग के दौरान एक फॉर्चुनर गाड़ी से 83,86,235 रुपये के सोने के आभूषण बरामद किए गए। इस पर जीएसटी एक्ट 2017 के अनुसार 5,03,175 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जो कि मौके पर ही सरकारी कोष में जमा करवा दिया गया है। निरीक्षण के दौरान उप आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी, जिला सोलन के साथ तुलसीराम राणा व रजनीश डोगरा सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी और पंकज कुमार, सहायक राज्य कर एवं आबकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने कहा कि त्योहारों के दिनों में चेंंकिग पर विशेष बल दिया जा रहा है।
-कहा, पंचायत घरों के निर्माण के लिए दिए जा रहे 1.14 करोड़ रुपये ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत जाबली में शीघ्र ही एक आदर्श पंचायत घर का निर्माण किया जाएगा। अनिरुद्ध सिंह आज सोलन के कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जाबली में सामुदायिक पंचायत केन्द्र की आधारशिला रखने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा अब पंचायत घरों के निर्माण के लिए 1.14 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की जा रही है ताकि पंचायत घरों का बहुआयामी उपयोग सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि पूर्व में पंचायत घरों के निर्माण के लिए 33 लाख रुपए ही स्वीकृत किए जाते थे। जाबली में पंचायत घर निर्माण के प्रथम चरण के लिए 35 लाख रुपए स्वीकृत किए गए है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सामुदायिक पंचायत केंद्रों का निर्माण कार्य समयबद्ध किया जाएगा, ताकि लोग इनसे लाभान्वित हो सकें। ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि जाबली में स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद विक्रय के लिए स्टॉल निर्माण का प्रस्ताव उच्च स्तर पर प्रेषित किया जाएगा। यहां ग्रामीण विकास विभाग के पास अपनी भूमि उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण आर्थिकी को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है और स्टॉल निर्मित होने से स्वयं सहायता समूहों की आमदनी में आशातीत वृद्धि होगी। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि इस वर्ष हिमाचल प्रदेश को भारी वर्षा के कारण काफी नुकसान उठाना पड़ा है। सरकार प्रभावितों को बेहतर राहत देने के लिए कार्य कर रही है। इस कार्य के लिए घोषित राहत आपदा पैकेज के अंतर्गत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त मकानों के मालिकों को दी जाने वाली राशि को बढ़ाकर 7 लाख रुपये तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के मालिकों को दी जाने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह प्रयास है कि प्रभावितों का उचित पुनर्वास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि इस कार्य को समयबद्ध पूर्ण किया जाए। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने जाबली में आदर्श पंचायत घर के शिलान्यास के लिए ग्रामीण विकास मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष राहुल ठाकुर, ग्राम पंचायत जाबली की प्रधान कल्पना गर्ग, उप प्रधान विनय अत्री, नगर परिषद परवाणू की पूर्व अध्यक्ष निशा शर्मा, ज़िला परिषद सदस्य राजिंद्र ठाकुर, अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव, उपमण्डलाधिकारी कसौली गौरव महाजन, ज़िला पंचायत अधिकारी सोलन जोगिंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
सहायक आयुक्त सुभाष गौतम ने बताया कि टांडा फील्ड फायरिंग रेंज में भारतीय सेना द्वारा 9 और 10 नवंबर को प्रात: 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक फायरिंग का अभ्यास किया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत कोहाला, कच्छयारी, खोली, घुरकड़ी के लोगों से अपील की है कि इस दौरान वह फायरिंग रेंज में न स्वयं जाएं तथा अपने पालतु पशुओं को भी न जाने दें, ताकि किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि से बचा जा सके।
राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त डॉ. युनुस ने बताया कि जिला शिमला और सोलन की टीमों ने गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग जगह नाके लगा कर बिना वैध दस्तावेज सोने के आभूषण पकड़े। इसमें शिमला की टीम ने 1.33 करोड़ रुपये तथा सोलन की टीम ने 84 लाख रुपये के आभूषण पकड़े। विभाग ने वस्तु एवं सेवा कर अधिनियम (जीएसटी एक्ट 2017) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 13 लाख रुपए का जुर्माना भी वसूला। उन्होंने बताया कि विभाग ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में अवैध शराब के विरूद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 200 लीटर लाहन नष्ट की तथा 23 पेटियां अंग्रेजी व देसी शराब की जब्त की। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में मंडी जिला में 200 लीटर लाहन पकड़कर आबकारी अधिनियम के अंतर्गत नष्ट की गई। इसके अलावा ऊना जिला की टीम ने अवैध रूप से रखी गई 8 पेटियां अंग्रेजी व देसी शराब की जब्त की। इसके अतिरिक्त जिला कुल्लू की टीम ने 3 अलग-अलग मामलों में 15 पेटियां अंग्रेजी व देसी शराब की जब्त की तथा आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 60 हजार रुपये जुर्माना वसूला। शिमला जिला की टीम ने भी संदिग्ध जगहों पर छापामारी करते हुए 25 बोतल अवैध शराब जब्त की। आयुक्त ने यह भी बताया कि विभाग ने वोल्वो बसों में अवैध रूप से लाई जा रही वस्तुओं और उन पर लगने वाले कर चोरी के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया है जिसके अंतर्गत पिछले कुछ दिनों में लगभग 229 बसों की चैकिंग की गई और अवैध तरीके से लाई जा रही वस्तुओं पर लगभग 6 लाख का जुर्माना वसूला गया। युनुस ने अवगत करवाया कि सभी जिलों को अवैध शराब तथा कर चोरी के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रदेश में कर चोरी और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने आम लोगों से भी इस तरह की गतिविधियों के बारे में विभाग के साथ सूचना साझा करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति टॉल फ्री दूरभाष नंबर 1800-180-8060 अथवा व्हाट्सऐप नंबर 9418331426 पर अवैध शराब तथा कर चोरी के मामलों की सूचना अथवा शिकायत दर्ज कर सकता है।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज ढली स्थित विशेष योग्यता वाले बच्चों के संस्थान (छात्र) में सभी बच्चों को दीपावली उत्सव के उपलक्ष्य में मिठाई वितरित कर उन्हें इस पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल भी उपस्थित थीं। राज्यपाल ने कहा कि दीवाली उत्साह का उत्सव है और इसे मिल-जुल कर मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दीपावली उत्सव के माध्यम से हमें अपनी समृद्ध संस्कृति के दर्शन होते हैं। अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक यह दीपोत्सव बुराई पर हमेशा अच्छाई की जीत का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य अपने आत्मबल व दृढ़ इच्छाशक्ति के बूते किसी भी तरह की शारीरिक चुनौतियों व प्रतिकूल परिस्थितियों को मात देकर अपने लक्ष्य को हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत एक सामान्य व्यक्ति आलस्य, लापरवाही और बुरी आदतों के कारण समाज व परिवार पर बोझ ही होता है। उन्होंने विद्यालय के छात्रों द्वारा बेहतर मंच संचालन की सराहना की तथा कहा कि ये सभी छात्र प्रतिभा सम्पन्न हैं और इनकी क्षमता को तराशने की आवश्यकता है। मुख्याध्यापक धर्मपाल राणा ने राज्यपाल के आगमन पर उनका आभार व्यक्त किया तथा विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों से अवगत करवाया। इस अवसर पर संस्थान के अध्यापक व प्रशिक्षक, रेडक्रॉस सोसायटी के स्वयंसेवी तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा में चतुर्थ सत्र के परीक्षा परिणाम में छात्रों का शानदार प्रदर्शन रहा। इसमें सभी प्रशिक्षु अध्यापकों ने प्रथम श्रेणी में आकर कॉलेज का नाम रोशन किया है। इसमें से 33 छात्रों ने 70 से 75 प्रतिशत और 64 छात्रों ने 75 से 80 प्रतिशत एवं 3 छात्रों ने 80 से 85 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। यह परीक्षा परिणाम शैक्षणिक योग्यता की सफलता को दर्शाता है। सभी बच्चों ने प्रदेश भर में प्रथम श्रेणी प्राप्त करके मिनर्वा कॉलेज का नाम रोशन किया है। इसके अलावा कोई भी विद्यार्थी किसी भी विषय में अनुत्तीर्ण नहीं है। तनवी शर्मा ने 84 फीसदी अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान व आंचल शर्मा ने 82. 5 फीसदी अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान तथा सपना ने 82.2 फीसदी अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया है। मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष चेयरमैन जे. एस पटियाल ने सभी छात्रों और अध्यापक वर्ग को बधाई दी और कहा कि यह हमारे लिए बहुत ही गर्व की बात है कि हमारे कॉलेज के छात्रों ने हर साल की तरह अच्छे अंक प्राप्त करके प्रदेश भर में प्रथम श्रेणी प्राप्त की है। यह हमारे लिए बहुत ही सौभाग्य की बात है। मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रिंसिपल डॉ प्रशांत कुमार ने सभी विद्यार्थियों को उनके भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया और कहा कि आपको चुनौतियों का सामना करते हुए बुलंदियों को छूना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने ग्राम पंचायतों व नगर निकाय उप चुनावों में अधिकतर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की शानदार जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए सभी विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हंै। प्रदेश में ग्राम पंचायतों व नगर निकायों के उप चुनावों में शानदार प्रदर्शन पर पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा है कि किसी भी राजनीतिक दल के लिये पार्टी कार्यकर्ता बहुत ही महत्वपूर्ण व अहम है, जिसके बगैर पार्टी की कोई भी जीत संभव नही है। उन्होंने कहा है प्रदेश में गत विधानसभा चुनावों में पार्टी कार्यकर्ताओं के कड़े परिश्रम से ही कांग्रेस की सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि अब अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रहने वाली है। उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वे जीत के इसी मनोबल के साथ आगे बढ़ते हुए लोकसभा चुनावों में पार्टी की जीत के लिये एकजुट होकर अभी से मैदान में डट जाएं। प्रतिभा सिंह ने कहा है कि कांग्रेस एक राजनेतिक दल के साथ साथ एक ऐसी विचारधारा है जो समाज के हर व्यक्ति के अधिकारों के लिए बगैर किसी धर्म, डर भय के समानता का अधिकार का सरंक्षण करती हैं। उन्होंने भाजपा पर द्वारा देश मे साम्प्रदायिक व ध्रुवीकरण की राजनीति को बढ़वा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा आज देश के लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। संवैधानिक संस्थाओं के अधिकारों का हनन करते हुए उन्हें कमजोर करने की पूरी कोशिश की जा रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भाजपा की जन विरोधी नीतियों बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ एक जुट होकर आगे आने का आह्वान करते हुए कहा है कि देश भाजपा के कुसाशन से परिवर्तन के दौरे में चल पड़ा है। हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों से इसकी शुरुआत हो चुकी है। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में देश मे इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी ओर देश को भाजपा की तानाशाही सरकार से मुक्ति मिलेगी।
-कहा, सांसद अनुराग और विधायक सत्ती द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्य -नगर परिषद के कार्यक्रम में भाजपा पार्षदों को किया जा रहा नजरअंदाज नगर परिषद ऊना की चेयरपर्सन पुष्पा देवी ने आज एक प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस नेताओं पर नगर परिषद को विकास कार्यों के लिए कोई भी पैसा नहीं देने का आरोप लगाया है। पुष्पा देवी का आरोप है कि कांग्रेस के नेता बेवजह गलत बयानबाजी कर राजनीतिक चमका रहे हैं, जबकि हकीकत में नगर परिषद के विकास के लिए कांग्रेस सरकार और उसके किसी नेता ने एक रुपये तक का योगदान नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के विकास के लिए सांसद अनुराग ठाकुर और विधायक सतपाल सत्ती द्वारा विकास करवाए जा रहे हैं। वहीं, अध्यक्ष ने नगर परिषद में करवाए जा रहे कार्यक्रमों में उनको न बुलाने पर भी कांग्रेस नेताओं पर पलटवार किया। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नगर परिषद के कार्यक्रम में भाजपा पार्षदों को न बुलाकर उनकी अनदेखी की जा रही है, जबकि बीजेपी सरकार के समय में ऐसा नहीं होता था।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि अपनी समृद्ध संस्कृति को संजोए रखने और परम्पराओं से जन-जन को परिचित करवाने के लिए मेले और उत्सवों के आयोजन में युवाओं को जोड़ा जाना आवश्यक है। डॉ. शांडिल गत देर सांय सोलन के कण्डाघाट उपमण्डल के साधुपुल में दो दिवसीय मेले के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर स्थानीय प्राचीन मंदिर में पूजा-अर्चना की और सभी के सुखी जीवन की कामना की। डॉ. शांडिल ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं। मेले में लोगों को सुख-दु:ख बांटने के अतिरिक्त प्रदेश की संस्कृति को जानने का अवसर भी मिलता है। प्रदेश सरकार द्वारा मेलों के संरक्षण पर विशेष बल दिया जा रहा है ताकि भावी पीढ़ी अपनी संस्कृति को आत्मसात कर सके। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी का यह दायित्व है कि वो अपनी धरोहर को संजोए रखे। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्मरण रखना होगा कि अपनी परम्पराओं, संस्कृति और हस्तशिल्प को संरक्षित रख ही विकास के मार्ग पर सशक्त कदम बढ़ाए जा सकते हैं। डॉ. शांडिल ने कहा कि ऐसे आयोजनों में कुश्ती और कबड्डी जैसे पारम्परिक खेलों का आयोजन भी किया जाता है। इन पारम्परिक खेलों के माध्यम से आज युवा विश्व में देश की प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि अपने पारम्परिक खेलों के लिए समय दें। उन्होंने इस अवसर पर कबड्डी प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित भी किया।उन्होंने साधुपुल मंदिर के मंच निर्माण के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने दुर्गा माता मंदिर साधुपुल के सामुदायिक भवन के लिए 3 लाख देने की घोषणा की। उन्होंने मेला समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार देने की घोषणा की। इस अवसर पर जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश कांग्रेस के महासचिव रमेश ठाकुर, ज़िला कांग्रेस के अध्यक्ष शिव कुमार, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, ग्राम पंचायत सकोड़ी के प्रधान सुरेश ठाकुर, ग्राम पचंायत तुंदल की प्रधान चित्रलेखा, नगर निगम सोलन के मनोनीत पार्षद रजत थापा, बीडीसी सदस्य राधा, मेला समिति के प्रधान पवन ठाकुर, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट सिद्धार्थ आचार्य सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
सोलन पुलिस की स्पेशल टीम द्वारा शिक्षण संस्थानों में चिट्टा तस्करों पर रखी जा रही कड़ी निगरानी के चलते टीम को एक तस्करी के नेटवर्क का पता लगा, जिसमें पंजाब का एक मुख्य चिट्टा तस्कर जिला के संस्थानों में पढ़ रहे युवाओं को पिछले 3 साल से चिट्टा सप्लाई कर रहा है। गत 2 नवंबर को पुलिस की स्पेशल टीम ने ओछघाट में सुल्तानपुर सड़क के साथ की बिल्डिंग में दो आरोपी, जिसमें गौरव सिंह पुत्रकुबेर सिंह निवासी बल्ह मंडी उम्र 23 साल और राहुल गुलेरिया पुत्र शमी गुलेरिया निवासी सरकाघाट मंडी उम्र 21 साल को मादक पदार्थ की अवैध तरीके से खरीद फरोख्त करते पकड़ा गया और इनके कब्जे से करीब 6 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। उपरोक्त दोनो आरोपियों को अभियोग में गिरफ्तार किया गया और इनसे पूछताछ के दौरान पता चला कि यह उसी दिन 7 ग्राम चिट्टा 30000 रुपये में मोहाली से लेकर आये थे और इनके साथ आरोपी अनिकेत ठाकुर पुत्र रजिंदर ठाकुर निवासी जुब्बल शिमला उम्र 23 साल भी साथ में था, जिसको भी गिरफ़्तार किया गया है। अभियोग में आगामी जांच अमल में लाई गई और इन छात्रों को चिट्टा सप्लाई करने वाला मुख्य तस्कर बलजीत सिंह उर्फ बराड़ पुत्र काका सिंह निवासी मुक्तसर साहिब, पंजाब हाल निवासी सेक्टर 87 मोहाली को स्पेशल टीम द्वारा मोहाली से गिरफ़्तार कर लिया गया है और इसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर अभियोग में आगामी अन्वेषण जारी है। सोलन पुलिस द्वारा अभी तक बाहरी राज्यों के 50 सप्लायरों जो दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, असम, महाराष्ट्र आदि राज्यों से हैं, को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 4 अफ्रीकी मूल के नाइजीरियन नागरिक भी शामिल हैं। इन बाहरी राज्यों के तस्करों द्वारा हिमाचल प्रदेश में चलाये जा रहे चिट्टा तस्करी के 7 बड़े नेटवर्कों को ध्वस्त कर दिया गया है, जिससे हजारों युवाओं को चिट्टा की आपूर्ति बंद हुई है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा बलजीत ठाकुर ने बताया कि बाल विकास परियोजना देहरा के अधीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के दो और सहायिका के 10 पद भरे जाने हंै। ग्राम पंचायत मझीण के मझीण तथा मझीण के दबकेहड़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद भरे जाने हैं। वहीं, ग्राम पंचायत मझीण के दबकेहड़, टिप्परी के डुहक, कमलोटा के कमलोटा, हडोली के बाह, बदोली के डोल, खुंडिया के अंबाडा, सिहोरपाई के बन चल्लियां, जाखोटा के वोहल जागीर, अलुहा के भौंरन एवं थिल के थिल केंद्रों में सहायिका के पद भरे जाएंगे। इस संदर्भ में छंटनी परीक्षा का आयोजन 8 नवंबर को उप मंडल अधिकारी ज्वालाजी के कार्यालय में निर्धारित किया गया था, परंतु प्रशासनिक कारणों हेतु अब छंटनी परीक्षा का आयोजन 24 नवंबर को उप मंडल अधिकारी ज्वालाजी के कार्यालय में निर्धारित किया गया है।
-7 को सुबाथू और 8 व 9 को धर्मपुर में होगा कार्यक्रम -9 को मुख्यमंत्री सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि करेंगे शिरकत पाइनग्रोव स्कूल द्वारा 7 से लेकर 9 नवंबर तक अपनी दोनों शाखाओं, धर्मपुर और सुबाथू का 32वां वार्षिक उत्सव मनाया जा रहा है। यह उत्सव 7 नवंबर की प्रात: सुबाथू में, 8 नवंबर की प्रात: और शाम तथा 9 नवंबर की प्रात: दो दिनों के लिए धर्मपुर शाखा में मनाया जाएगा। 32वें वार्षिक उत्सवमें प्रस्तुत किए जानें वाले मंचीय एवम मैदान के सभी, प्रात:-शाम के कार्यक्रमों की तैयारियां लगभग पंद्रह दिनों पूर्व प्रारंभ की जा चुकी हैं। पाइनग्रोव स्कूल के हैड ऑफ कल्चरल अफेयर्स मिस्टर विशाल गौरी से मिली जानकारी अनुसार प्रस्तुत किए जानें वाले कार्यक्रमों में सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा, स्कूल प्ले, भारतीय संगीत, नृत्य नाटक,स्टार्लिट बोनांज़ा, रॉक बैंड, पाइपबैंड, ब्रास बैंड, जिमनास्टिक्स और पर्कशन 8 नवंबर की प्रात: एवं शाम को प्रस्तुत किए जाएंगे जबकि पारंपरिक हिमाचली नाटी, स्कूल परेड और जिमनास्टिक्स की एक अन्य, नवीन प्रस्तुति 9 नवंबर की प्रात: दृष्टिगोचर होंगी। उपरोक्त विस्तृत कार्यक्रमों की झड़ी के साथ-साथ विद्यालय की सत्र 2023 की गर्व से ओतप्रोत उपलब्धियां एवं वर्क एक्स, आर्ट, रोबोटिक्स आदि प्रदर्शनियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पाइनग्रोव स्कूल में कल्चरल ब्रिजिज-2023 स्टूडेंट्सएक्सचेंज प्रोग्राम के तहत यूएसए के सैली बी हॉवर्ड स्कूल,नॉर्थ कैरोलाइना से आए विद्यार्थियों क्रमश: एना बारबोस, तिलाया लीऑन्जा और ऑनद्रेज़ की प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम को चार चांद लगाने वाली हैं। 9 नवंबर के प्रात: कालीन शो में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का सानिध्य प्राप्त होगा। पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू में 7 नवंबर के उत्सव में श्री राम कुमार, मुख्य संसदीय सचिव एवं हिमाचल प्रदेश विधानसभा सदस्य मुख्य अतिथि रहेंगे। पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में 8 नवंबर के प्रात: कालीन शो में विनोद सुल्तानपुरी, हिमाचल प्रदेश विधानसभा सदस्य, एवं सायं कालीन शो में विनय कुमार विधान सभा सदस्य मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। कार्यक्रम में सम्मानित अतिथियों के रूप में यूएसए के नॉर्थ कैरोलाइना में स्थित सैली बी हॉवर्ड स्कूल कार्यकारी निदेशक डॉ. जॉन वुडर्ड, सांता क्लैरिटाकैलिफोर्नियासिटि हॉल काउंसिल, मेयर कार्यालय सदर्न कैलिफोर्निया बोर्ड के प्रोजेक्ट मैनेजर मिस्टर विलियम और मिसिज़ एलिना गालवेज भी शिरकत करेंगे। 4 नवंबर तक पाइनग्रोव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह, धर्मपुर एवम सुबाथू की सभी व्यवस्थाओं एवम प्रस्तुतियों का निरीक्षण ले चुके हैं। उन्होंने सभी को इस भव्य महोत्सव की सफलता और अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली द्वारा कुलपति पुरस्कार प्रदान किए गए। इसमें केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर के कर्मचारी कमल कौशल को केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास बरखेड़ी द्वारा कर्मयोग श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वेदव्यास परिसर बलाहर के निदेशक प्रोफेसर मदन मोहन पाठक ने बताया कि कमल कौशल ने केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के एकलव्य परिसर अगरतला में 22 जुलाई, 2013 को अपना पदभार ग्रहण किया था व अपने कार्य को पूर्ण निष्ठा के साथ तथा प्रेमपूर्वक करते हैं। उन्होंने बताया कि कमल कौशल वेदव्यास परिसर के ही पूर्व छात्र रहे हैं व यहीं से उन्होंने शास्त्री भी की है। विद्यार्थी जीवन में भी कमल एक होनहार छात्र रहे हैं। वहीं प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा छात्रों के साथ भी कमल कौशल का व्यवहार बहुत अच्छा है।
-प्रतियोगिता में 50 से ज्यादा बच्चों ने लिया भाग सुबाथू में कर्ण कुमार द्वारा बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया गया, जो कि युवाओं को नशे से दूर रखने व खेल में युवाओं की रुचि बढ़ाने के लिए एक सराहनीय कदम रहा। इस प्रतियोगिता में 50 से ज्यादा बच्चों ने भाग लिया। इस टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के तौर पर कांग्रेस पाटी के कसौली विधानसभा के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा और सोलन जिला महासचिव नरेंद्र चौहन, कांग्रेस प्रदेश को-ऑर्डिनेटर दीपक तंवर के अलावा बरोग के प्रधान हुकुम चंद, सुल्तानपुर के उप प्रधान जीत राम ठाकुर उपस्थित रहे।
उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली विभाग के तहत उपभोक्ताओं के राशन कार्ड की ई-केवाईसी करवाने की तिथि 30 नवंबर तक बढ़ा दी गई है। पहले यह 31 अक्तूबर तक निर्धारित की गई थी। उन्होंने कहा कि कुछ उपभोक्ता अपना व अपने परिवार के सदस्यों का ई-केवाईसी करवाने से वंचित रह गए थे। विभाग द्वारा ऐसे लोगों की सुविधा के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण करने की तिथि बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए ई-केवाईसी के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राशन कार्ड में दर्ज व्यक्ति का नाम, जन्मतिथि तथा लिंग, आधार में दर्ज डाटा के अनुरूप हो, इसके दृष्टिगत जिला में ई-केवाईसी की प्रक्रिया आरम्भ की गई है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे ई-केवाईसी की प्रक्रिया को सयमबद्ध पूर्ण करने में सहयोग प्रदान करें।
-संशोधित अनुसूचित जनजाति कानून लागू न किया तो सड़कों पर उतरेगा समुदाय -कहा, पहले अपनाएंगे गांधीगीरी और फिर उग्र आंदोलन हिमाचल प्रदेश के गिरिपार में बसने वाले हाटी समुदाय के लोगों का सब्र का बांध टूटने लगा है। अनुसूचित जनजाति संशोधन कानून लागू न होने से इस समुदाय में आक्रोश और बढ़ गया है। हाटियों ने हिमाचल सरकार को दीपावली पर्व तक की मोहलत दी है। इस पर्व के दिन हाथों में मशाले लेकर हाटी अलख जगाएंगे। हरेक गांव में जय हाटी, जय माटी का नारा बुलंद किया जाएगा। अगर तब भी अनुसूचित जनजाति संशोधन कानून लागू न किया तो फिर जनता सड़कों पर उतरेगी। आधी आबादी महिलाओं स्कूली कॉलेज और विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ रोष प्रदर्शन निकाले जाएंगे। पहले हाटी गांधीगीरी करेंगे। फिर भी बात नहीं बनी तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। एक तरफ सड़कों पर उतरा जाएगा तो दूसरी तरफ राजभवन का रुख किया जाएगा। राज्यपाल से मुलाकात कर आग्रह किया जाएगा कि वह कानून लागू करवाने के बारे में राज्य सरकार को साथ कड़े निर्देश जारी करें। इस संबंध में हाटी विकास मंच के पदाधिकारियों ने शिमला में पत्रकार वार्ता की। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार से मुख्य सचिव से लेकर मुख्यमंत्री, मंत्री तक सबसे मुलाकात कर चुके हैं। लेकिन राज्य सरकार मुद्दे को बेवजह अटका और भटका रही है। संसद का अपमान मंच के पदाधिकारियों ने कहा की संशोधित एसटी एक्ट लागू न कर राज्य सरकार संसद का अपमान कर रही है। उन्होंने इसे संविधान और कानून की उल्लंना करार दिया। राज्य सरकार का ऐसा रवैया संविधान विरोधी है। इनका जताया आभार मंच ने कानून बनाने और जनजाति अधिकार दिलाने के लिए केंद्र की मोदी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह ,भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ,हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर, भाजपा के पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप, मौजूदा सांसद सुरेश कश्यप, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल समेत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। कन्फ्यूज्ड है राज्य सरकार हाटी मामले में राज्य सरकार पूरी तरह से कन्फ्यूज्ड है। इसे लटकाने के लिए कभी लॉ डिपार्टमेंट को फाइल भेजी गई तो कभी जनजातिय मंत्रालय को। सरकार ऐसा इसलिए कर रही है ताकि किसी तरह इस मुद्दे को आम चुनाव तक टाला जा सके। छात्रों के भविष्य के साथ किया खिलवाड़ प्रदेश सरकार हाटी समुदाय से जुड़े छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। सरकारी नौकरियों के विज्ञापन जारी कर रही है। लेकिन एसटी सर्टिफिकेट न बनने से वे इसके लिए पात्र नहीं हो पा रहे हैं। इससे छात्रों में रोष और बढ़ गया है। इस प्रेस वार्ता में हाटी विकास मंच के अध्यक्ष प्रदीप सिंह सिंगटा, मुख्य प्रवक्ता डॉक्टर रमेश सिंगटा, कानूनी सलाहकार अधिवक्त श्याम सिंह चौहान, मदन तोमर, खजान ठाकुर, हरगोविंद राणा, गोपाल ठाकुर, रविंद्र जस्टा,वकील बी भारद्वाज, मदन चौहान, सतीश ठाकुर, राजेश, लाल सिंह शंकवान आदि उपस्थित रहे।


















































