जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने कहा कि 30 अक्तूबर को 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के लिए भारत के निर्वाचन आयोग द्वारा फोटो पहचान पत्र के अतिरिक्त 11 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेज निर्धारित किए गए हैं। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि मतदाता इनमें से किसी भी दस्तावेज को दिखाकर मतदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार उप निर्वाचन में सभी मतदाताओं को मतदान के लिए अपना मतदाता पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। यदि किसी मतदाता के पास मतदाता पहचान पत्र नहीं है तो वह भारत के निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेज प्रस्तुत कर सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आधार कार्ड, मनरेगा जाॅब कार्ड, बैंक अथवा डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के अन्तर्गत अंतर्गत भारत के रजिस्टार जनरल द्वारा द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, राज्य अथवा केंद्र सरकार के लोक उपक्रम, पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों एवं विधायकों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र में से कोई एक दस्तावेज वैकल्पिक दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई मतदाता किसी अन्य निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करता है तो ऐसे पहचान पत्र को पहचान स्थापित करने के लिए तभी स्वीकृत किया जाएगा जब मतदाता का नाम उस मतदान केन्द्र की निर्वाचक नामावली में उपलब्ध हो। यदि फोटोग्राफ इत्यादि के बेमेल होने के कारण मतदाता की पहचान न हो पाए तब मतदाता को उपरोक्त में से कोई एक वैकल्पिक दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। ऐसे प्रवासी निर्वाचक जो अपने पासपोर्ट में प्रदत्त विवरण के आधार पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 20क के अधीन निर्वाचक नामावलियों में पंजीकृत है को मतदान केन्द्र में केवल उनके मूल पासपोर्ट के आधार पर ही पहचाना जाएगा। ऐसे मामलों में कोई अन्य पहचान दस्तावेज मान्य नहीं होगा।
सोलन जिला के 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन में विभिन्न शिकायतें प्राप्त के लिए टोल फ्री नम्बर स्थापित किया गया है। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी ने दी। उन्होंने कहा कि अर्की में होने वाले उप निर्वाचन के सम्बन्ध में कोई भी शिकायत उपायुक्त कार्यालय सोलन में स्थापित नियन्त्रण कक्ष में टोल फ्री नम्बर 1800-180-2858 पर दी जा सकती है। निर्वाचन के सुचारू रूप से संचालन के लिए नियन्त्रण कक्ष में दूरभाष नम्बर 01792-220191 स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि उप निर्वाचन से सम्बन्धित जानकारी के लिए टोल फ्री नम्बर 01792-1950 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
सोलन जिला के 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र से आज नामांकन वापिसी के अन्तिम दिन किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापिस नहीं लिया है। यह जानकारी निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी अर्की शहज़ाद आलम ने दी। शहज़ाद आलम ने कहा कि 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र से अब 03 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी के रतन सिंह पाल, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संजय तथा जीतराम स्वतन्त्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र उम्मीदवार जीत राम को ‘फलों से युक्त टोकरी’ चुनाव चिन्ह आबंटित किया गया है।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र में उपनिर्वाचन के लिए सामान्य पर्यवेक्षक, पुलिस पर्यवेक्षक एवं व्यय पर्यवेक्षक को प्रतिनियुक्त किया गया है। यह जानकारी निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी अर्की शहज़ाद आलम ने दी। उन्होंने कहा कि 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र में भारतीय प्रशासनिक सेवा की वर्ष 2011 बैच की अधिकारी मंनुंचिंग को सामान्य पर्यवेक्षक प्रतिनियुक्त किया गया है। पुलिस पर्यवेक्षक के रूप में आंध्र प्रदेश काडर के वर्ष 2009 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी कोया प्रवीण को प्रतिनियुक्त किया गया है। व्यय पर्यवेक्षक के रूप में कस्टम एण्ड सेन्ट्रल एक्साईज सेवा के अधिकारी महाबीर को प्रतिनियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वतन्त्र एवं निष्पक्ष एवं सुचारू उप निर्वाचन के प्रतिनियुक्त इन पर्यवेक्षकों से उप निर्वाचन से सम्बन्धित किसी भी शिकायत एवं सुझाव के लिए सम्पर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सामान्य पर्यवेक्षक श्रीमती मंनुंचिंग से मोबाइल नम्बर 062309-33013 पर सम्पर्क किया जा सकता है। पुलिस पर्यवेक्षक कोया प्रवीण से मोबाइल नम्बर 095506-46876 पर सम्पर्क किया जा सकता है। व्यय पर्यवेक्षक महाबीर से दूरभाष नम्बर मोबाइल नम्बर 078077-31263 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में कल्पा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के द्वारा एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान विशेष रूप से विधायक किन्नौर जगत सिंह नेगी उपस्थित रहे। इस रक्तदान शिविर के दौरान 15 कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने रक्तदान किया। जिसमें युवाओं के साथ महिलाएं ने भी बढ़ चढ़ कर भाग लिया।
राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर गत सांय जिला कांगड़ा के मैक्लाॅडगंज में तिब्बती युवा कांग्रेस की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित स्वर्ण जयंती सांस्कृतिक कार्यक्रम में उपस्थित हुए। निर्वासित तिब्बती सरकार के प्रेजिडेंट पेन्पा शेरिंग ने राज्यपाल को सम्मानित किया। आयोजन में भारतीय व तिब्बती संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इन्द्रेश कुमार, केन्द्रीय तिब्बती प्रशासन के सभा पति खेन्पो सोनम, मुख्य न्यायाधीश डागपो सोनम, उप-सभापति डोलमा शेरिंग, तिब्बती युवा कांग्रेस के अध्यक्ष गोन्पो धोन्दुप, उपायुक्त कांगड़ा निपुन जिन्दल, पुलिस अधीक्षक कुशाल शर्मा, जिला प्रशासन के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में 30 अक्तूबर को आयोजित होने वाले उप निर्वाचन में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से क्षेत्र के गांव-गांव में सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) आयोजित किए जा रहे हैं। यह जानकारी स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी शिव कुमार ने दी। शिव कुमार ने कहा कि स्वीप के तहत आज अर्की विधानसभा क्षेत्र के बातल घाटी, डूमैहर, लादी, बढलग तथा जाबल में जागरूकता वाहन के माध्यम से लोगों को वोट के महत्व के बारे में बताया गया। उन्होंने कहा कि लोगों को अवगत करवाया गया कि स्वस्थ लोकतन्त्र के लिए पूर्ण जनसहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूकता कार्यक्रम के अन्तर्गत लोगों से आग्रह किया गया कि सभी मतदान अवश्य करें ताकि विकास में जन-जन की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। शिव कुमार ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय दिग्गल में ‘लोकतन्त्र में मतदान का मतलब’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। छात्रों ने भाषण के माध्यम से अन्य छात्रों को एक-एक वोट के महत्व महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान भी कार्यान्वित किया गया जिसमें छात्रों ने काफी रूचि दिखाई। इस मौके पर लोगों से आग्रह किया गया कि सभी कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए नियमों का पालन करें। लोगों से आग्रह किया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर नाक से ठोडी तक ढकते हुए मास्क पहनें, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें और बार-बार अपने हाथ साबून अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाईजर से साफ करते रहें। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य जसवंत, स्वीप टीम के पुनीत ठाकुर तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर ने कहा कि केन्द्र सरकार का श्रम और रोजगार मंत्रालय असंगठित कामगारों का राष्ट्रीय डेटाबेस तैयार कर रहा है। जो प्रत्येक असंगठित कामगार को पहचान पत्र जारी करेगा। जिसमें एक विशिष्ट पहचान संख्या होगी। एडीएम रोहित राठौर ने यह जानकारी उपायुक्त कार्यालय के सभागार में असंगठित कामगारों के ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण को लेकर जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने सम्बन्धित सभी विभागों को इस डेटाबेस को तैयार करने के निर्देश दिए। एडीएम ने बताया कि यह कार्ड 16 से 59 आयुवर्ग के लाभार्थियों के बनाए जाएंगे। इस कार्ड को बनने से असंगठित श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा तथा श्रमिकों को रोजगार के अधिक अवसर भी प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी डीआरडीए सोनू गोयल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.विक्रम कटोच, जिला पंचायत अधिकारी अश्वनी शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी रणजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
बंजार महाविद्यालय की छात्रा श्यामा दुग्गल का चयन राष्ट्रीय सेवा योजना के राष्ट्रीय स्तर के पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर के लिए स्वयंसेवक के रूप में हुआ है। श्यामा दुग्गल वाणिज्य विभाग की अंतिम वर्ष की छात्रा है। श्यामा के चयन पर कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्या ने समस्त स्टाफ व विशेष तौर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो मोनिका को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सम्पूर्ण कॉलेज के लिए गर्व का विषय है। श्यामा दुग्गल अब जयपुर राजस्थान में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रो मोनिका ने सभी क्षेत्रवासियों को बधाई दी है और कहा की ये गर्व का विषय है की हमारे बंजार की छात्रा का चयन पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर के लिए हुआ है।
जिला किन्नौर देशभर में कोविड की दूसरी डोज लगाने वाला प्रदेश में ही नहीं बल्कि देश में बना प्रथम जिला बना है। स्टेट गवर्मेन्ट व सेंटर गवर्मेन्ट द्वारा जिले में 60,305 व्यक्तियों को कोविड का दूसरा टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था जिसे पूरा कर लिया गया है। उपायुक्त किन्नौर ने प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए जिला प्रशासन द्वारा जनजातीय क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितिया विपरीत होने के बावजूद भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, पंचायत सचिव व पंचायत प्रधानों का आभार व्यक्त किया गया। गौर रहे कि जिला प्रशासन द्वारा कोविड वैक्सीनेशन की दूसरी डोज लगाने के लक्ष्य को 15 अक्तूबर तक पूरा करना था लेकिन जिला किन्नौर प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य विभाग, जिले के अधिकारियों व स्थानीय पंचायतों की मदद से आज यानि बुधवार को ही इस लक्ष्य को प्राप्त कर लिया है। भारत देश में लगभग 750 जिले हैं जिनमें किनौर जिला ने प्रथम स्थान हासिल किया है।
अधिशाषी अभियन्ता सिंचाई एवं जन-स्वास्थ्य मण्डल रिकांगपिओ सुमित सूद ने आज मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि रिकांग पिओ कस्बे में 14 अक्तूबर को पेयजल टैंको की सफाई कार्य किया जाएगा। जिस कारण रिकांग पिओ क्षेत्र में इस दिन पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे पेयजल टैंको की सफाई कार्य के दृष्टिगत आवश्यक पेयजल भण्डारन सुनिश्चित कर लें। ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग लोगों की सेहत के प्रति पूरी तरह से सजग है। इसी उद्देश्य से मण्डल के तहत आने वाले टैंको की सफाई का अभियान चलाया गया है और सफाई अभियान के तहत मण्डल के तहत आने वाले सभी पेयजल टैंको की चरणबद्ध तरीके से अक्तूबर माह में सफाई की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश में जिला कुल्लू के डिग्री कॉलेज की छात्रा रवीना खत्री का एनएसएस नेशनल प्रीआरडी में सेलेक्शन हो गया है। हर वर्ष हिमाचल से 10 युवक और 10 युवतियों का चयन एनएसएस नेशनल प्रीआरडी के लिए किया जाता है, जो साथ मिलकर हिमाचल का प्रतिनिधित्व करते है। इस के चलते इस वर्ष रवीना ने पूरे हिमाचल में दूसरा स्थान हासिल किया है। बता दें कि इससे पूर्व भी रवीना खत्री ने एनएसएस के अनेकों कार्यक्रमों में भाग लिया है। जिसके चलते मनाली में रोट्रेक्ट क्लब के माध्यम से उसे रक्तदान शिविर, साफ सफाई अभियान व कोविड-19 के दौरान उत्कृष्ट कार्यो के लिए सम्मानित किया जा चूका है। गौरतलब है कि रवीना ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और एनएसएस के समस्त अधिकारी व साथियों को दिया। उन्होंने कहा कि आगे भी कोशिश जारी रहेगी कि वह 26 जनवरी को होने वाले परेड का एक अभिन्न हिस्सा बन सके। ताकि वह अपने देव भूमि कुल्लू व समस्त प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
किसानों के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने प्रदेश की जय राम ठाकुर सरकार को घेरा है। पार्टी ने आगाह किया है कि किसान हितो की अनदेखी केंद्र की मोदी और सूबे की जयराम सरकार को महंगी पड़ेगी। पार्टी के प्रदेश प्रभारी रत्नेश गुप्ता ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि किसान पर चौतरफा मार पड़ रही है। वो त्रस्त है और जयराम सरकार उपचुनावो में व्यस्त है। धान खरीद को लेकर आए दिन शिकायतें आ रही हैं की सरकारी पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा है। धान खरीद को लेकर किसान मायूस है। फसल बिक्री के लिए किसान दर-दर भटकने को मजबूर हो रहे है। उन्होंने आगाह किया कि किसान हितो की अनदेखी 2022 में जयराम सरकार को भारी पड़ेगी। मोदी सरकार के काले कृषि कानून को लेकर सड़को पर उतरे किसान की सुनवाई नही है। इस रवैये के चलते मोदी सरकार 2024 में अपनी वापसी भूल ही जाए, उनकी गुजरात वापसी तय है।
वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी में संगीत विभाग द्वारा आजादी के 75 वें वर्ष के उपलक्ष पर अमृत महोत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसके संयोजक सचिव प्रो राकेश गर्ग, प्रो.रीमा कुमारी व आयोजन समिति के सदस्य प्रो शिवाल, प्रो. मंजूवाला, प्रो.अनिल कुमार, प्रो.नेहा मिश्रा, प्रो.भाविंका, डॉ नीलम कुमारी रहे। इस कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। जिसमें एकल व समूह नृत्य, एकल व समूह गायन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में महाविघालय के प्राचार्य डॉ संजय पठानिया ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजन समिति के सभी सदस्यों को बधाई तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। संयोजक सचिव प्रो. राकेश गर्ग ने सभी आयोजन सदस्यों, प्रतिभागियों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की समाप्ति की गई।
कांग्रेस नेताओं की रैली में संवेदनाएं व सत्यता कम और राजनीति ज्यादा है। विपक्ष पर यह कटाक्ष मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भरमौर में की । सीएम जयराम ठाकुर ने बुधवार को भरमौर में मंडी संसदीय सीट से बीजेपी प्रत्याशी खुशाल ठाकुर के लिए चुनावी जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह हमारे बीच नहीं हैं, हमें उनकी कमी महसूस होती है। इसके बाद उन्होंने हाल ही में भरमौर में हुई कांग्रेस नेताओं की रैली पर कटाक्ष किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि हालांकि कुछ दिन पहले यहां कांग्रेस के नेताओं ने भी रैली की। लोग कह रहे हैं कि उनके नेता जिस तरह से रैली में व्यवहार कर रहे हैं, उसमें सत्यता व संवेदनाएं कम और राजनीति ज्यादा है। मुख्यमंत्री कहा कि हमने भी रामस्वरूप शर्मा को खोया है। हमें वीरभद्र सिंह, नरेंद्र बरागटा, सुजान सिंह पठानिया के जाने का दुख है। क्या हमें भावनाओं में बहकर काम करना है? भरमौर विधानसभा को विकास की आवश्यकता है। विकास का काम तब किया जा सकता है जब केंद्र और हिमाचल में बीजेपी की सरकार को मजबूत किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा अब तक का कार्यकाल परीक्षा के दौर से गुजर गया, जिसमें हम पास ही होते रहे। अब इस चुनावी परीक्षा को भी आप सबके सहयोग और समर्थन से पास करेंगे।
राजकीय उच्च पाठशाला ठाणा धमरियाणा में स्वच्छता अभियान के तहत पाठशाला के खेल मैदान की सफाई की गई। यह कार्यक्रम सिल्वर ऑक इको क्लब के माध्यम से करवाया गया। सर्वप्रथम बच्चों को इको क्लब प्रभारी अमन पुवारी द्वारा अपने आस-पड़ोस की स्वच्छता के लिए प्रेरित किया गया तथा प्लास्टिक के कचरे को इकट्ठा करने को कहा गया। प्लास्टिक एकत्रित करने का कार्यक्रम एक सप्ताह के लिए चलेगा तथा इकट्ठा किया गया प्लास्टिक कचरा पंचायत को दे दिया जाएगा ताकि उसका सही तरीके से निष्पादन किया जा सके। उन्होंने बताया कि बच्चे देश का भविष्य हैं, उन्हें जो बात बताई जाती है वह घर-घर तक पहुंच जाती है। देश के स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में बच्चों का योगदान महत्वपूर्ण है। स्वच्छता को हमें दिल से अपनाना है, तभी हमारा देश अग्रणी स्वच्छ देशों की श्रेणी में आ सकेगा तथा हम कई घातक बीमारियों से बच सकेंगे। तत्पश्चात पाठशाला के विज्ञान अध्यापक राकेश चौहान ने बच्चों को शारीरिक स्वच्छता और पर्यावरण स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। इस कार्यक्रम में आठवीं से दसवीं तक के कुल 26 बच्चों ने भाग लिया। इस दौरान पाठशाला की भाषा अध्यापिका स्वीटी कंचन तथा कला अध्यापिका कोमल कुमारी भी उपस्थित रहीं।
मंगलवार को उच्च शिक्षा निदेशालय में 18 उत्कृष्ट कॉलेजों के प्रिंसिपलों और वरिष्ठ प्रवक्ताओं के साथ उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बैठक की। उच्च शिक्षा निदेशालय ने कॉलेजों का चयन कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दे कि हिमाचल प्रदेश के 18 उत्कृष्ट डिग्री कॉलेजों को एक-एक करोड़ रुपये की अनुदान राशि दी जाएगी। सभी कॉलेज भवन बाहर से लेकर अंदर तक एक रंग के होंगे। इन कॉलेजों में फर्नीचर भी एक जैसी खरीदना होगा। सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों पर 20-20 लाख रुपये खर्च होंगे। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि इन 18 उत्कृष्ट कॉलेजों के द्वार के साथ इलेक्ट्रॉनिक नोटिस बोर्ड लगाया जाएगा। यहां विद्यार्थियों को कॉलेज से संबंधित हर जानकारी उपलब्ध होगी। इन कॉलेजों में वर्चुअल कक्षाएं भी एक सी होंगी। नए विषयों को शुरू किया जाएगा। निदेशक ने बताया कि इन कॉलेजों में कॅरिअर और गाइडेंस सेल को मजबूत बनाया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। पुस्तकालयों में सुधार किया जाएगा। वेबसाइट की सुविधा दी जाएगी। विद्यार्थियों की हाजिरी इलेक्ट्रानिक माध्यम से लगाई जाएगी। डिग्री कॉलेज कोटशेरा, जोगिंद्रनगर, नूरपुर, बिलासपुर, कुल्लू, ऊना, नालागढ़, नादौन, पावंटा साहिब, हमीरपुर, अंब, चंबा, थुरल, सरकाघाट, ठियोग, अर्की, शिलाई और ढलियारा कॉलेज को उत्कृष्ट कॉलेज बनाने का फैसला लिया गया है।
प्रदेश में 1 अक्तूबर से कार्टन में इस्तेमाल होने वाले एग्रो वेस्ट पेपर पर लगने वाले जीएसटी को 12 से बढ़ाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। एग्रो वेस्ट पेपर पर 6 प्रतिशत जीएसटी बढ़ाया गया है। जीएसटी बढ़ने से अगले साल बागवानों को कार्टन और भी महंगा मिलेगा। सेब सीजन के आखिर में बागवानों को एक और झटका लगा है। इससे बागवानों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। हालांकि सीजन के आरंभ में प्रदेश सरकार ने बागवानों को आश्वासन दिया था कि कार्टन व सेब पैकिंग ट्रे के मूल्यों पर किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। इसके बावजूद 10 रुपये से अधिक महंगा कार्टन बिका। सेब खरीद करने वाली कंपनियों ने बागवानों को सेब का मूल्य बेहद कम दिया। इससे बागवानों को नुकसान उठाना पड़ा। अब एग्रो वेस्ट पर जीएसटी बढ़ने से एक बार फिर से बागवानों पर ही मार पड़ी है।
ग्राम पंचायत गरली के आंगनबाड़ी केंद्र में मंगलवार 11 अक्तुबर को सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के बैनर तले बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रागपुर के सौजन्य से महिला सशक्तिकरण के लिए कैंप का आयोजन किया। आशा कार्यकर्ता महासंघ की प्रदेश महासचिव एवम गरली पचायत प्रधान शशिलता की अध्यक्षता मे आयोजित हुए इस कार्यक्रम मे बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रागपुर की ओर से सुपरिवाईजर श्रेष्ठा चौधरी ने शिरकत की। वही गरली क्षेत्र भर की आंगनबाड़ी केन्द्रो की कार्यकर्ताओं सविता आंगनबाड़ी वर्कर, सरला आंगनबाड़ी वर्कर, सुनीता देवी आंगनबाड़ी वर्कर आदि ने लोगों को महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरुक किया। वही श्रेष्ठा चौधरी व शशिलता ने इसमें 11 से 18 वर्ष की किशोरियों और 18 से 45 वर्ष की महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
बाबा कांशी राम राजकीय महाविद्यालय डाडासीबा में 11अक्तुबर को मेंटल हेल्थ और तनावमुक्त जीवन विषय पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य तथा मुख्य अतिथि प्रोफेसर राजेंद्र भारद्वाज ने की। इस अवसर पर स्थानीय अस्पताल डाडासीबा से डाक्टर श्वेता ने मेंटल हेल्थ और तनाव मुक्त जीवन पर अपने वक्तव्य में कहा कि हमें मेंटल हेल्थ पर खुलकर बात करनी चाहिए और तनाव के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहे दुष्परिणामों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें प्रथम स्थान संयुक्त रुप से बीए फाइनल की भावना और ब ए सेकंड की पल्लवी ने हासिल किया। द्वितीय स्थान बीकॉम सेकंड से साहिल ने हासिल किया। वही तृतीय स्थान बीए सेकंड की निशा ने हासिल किया।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन में प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी अनिता कौंडल के दिशा निर्देशों में स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवियों ने घर-घर जाकर पॉलिथीन एवं कूड़ा एकत्र किया तथा स्वच्छता के विषय में जनसाधारण को जागरूक करते हुए बताया कि स्वच्छ वातावरण ही स्वच्छता का मूल आधार है। साथ ही स्वयंसेवियों ने पर्यावरण को सुरक्षित रखने का प्रण लिया।
सोलन जिला के 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के उपनिर्वाचन में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत आज अर्की उपमण्डल की ग्राम पंचायत सेवड़ा चण्डी के अन्तर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वीप कार्यक्रम के तहत स्वीप के नोडल अधिकारी शिव कुमार ने उपस्थित लोगों को लोकतन्त्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित बनाने की अपील की। शिव कुमार ने कहा कि स्वीप टीम के सदस्यों ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चण्डी में छात्र-छात्राओं को वोट के महत्व की जानकारी प्रदान की। छात्र-छात्राओं का आह्वान किया गया कि वे अपने अभिभावकों को 30 अक्तूबर, 2021 को वोट डालने के लिए प्रेरित करें। छात्रों को बताया गया कि लोकतन्त्र में एक-एक वोट का महत्व है और उन्हें लोकतन्त्र के इस महापर्व में अपना योगदान अवश्य देना चाहिए। स्वीप टीम द्वारा बूथ स्तर के अधिकारी रीता देवी के सहयोग से मतदान केन्द्र खाली में भी लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया। शिव कुमार ने कहा कि स्वीप के अन्तर्गत आयोजित की जा रही गतिविधियों का उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक बनाकर मतदान की प्रतिशतता में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि लोकतन्त्र में एक-एक वोट का महत्व है। इसके लिए आवश्यक है कि युवा पीढ़ी इस दिशा में जागरूक हो। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि लोकतन्त्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदान अवश्य करें। उन्होंने कहा कि 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में 950 से अधिक मतदाताओं वाली संख्या वाले मतदान केन्द्रों के साथ लोगों की सुविधा के लिए सहायक 22 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं ताकि कोविड-19 के दृष्टिगत भीड़ एकत्र न हो। इस अवसर मतदाता जागरूकता वाहन के माध्यम से शालाघाट, कराड़ाघाट, ग्याणा, पाटी, बांदली तथा नेवड़ी में लोगों को वोट के महत्व की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर पुनीत ठाकुर, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
जन-जन तक निःशुल्क विधिक सेवाओं के लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यान्वित किए जा रहे अखिल भारतीय विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के अन्तर्गत सोलन जिला में गत एक सप्ताह में 32 शिविर, 13 डोर-टू-डोर शिविर आयोजित किए गए हैं। यह जानकारी आज यहां जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी कपिल शर्मा ने दी। कपिल शर्मा ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से अभी तक 34 गांवों में लोगों को निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई ताकि कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा इसके साथ जिला कारागर सोलन, उप कारागार नालागढ़, शेल्टर होम कथेड़, बाल आश्रम अर्की, शांति निकेतन आश्रम सुबाथू, विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में भी विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इनमें लगभग 1600 व्यक्तियों को अखिल भारतीय विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के बारे में अवगत करवाया गया। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य जन-जन विशेष रूप से ग्रामीण, जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के निवासियों को जानकारी के माध्यम से विधिक सेवा संस्थानों की कार्यप्रणाली से अवगत करवाना तथा निःशुल्क विधिक सेवाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि आउटरीच कार्यक्रम के तहत सभी को भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी जा रही है तथा अन्य कल्याणात्मक प्रावधानों के विषय में जागरूक बनाया जा रहा है। कपिल शर्मा ने कहा कि अभियान के सफल कार्यान्वयन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आउटरीच टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों में अधिवक्ता, पैरालीगल वॉलंटियर, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, स्वयंसेवी संगठनों के सदस्य, आंगनबाड़ी तथा आशा कार्यकर्ता, युवक मण्डलों के सदस्य तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि सम्मिलत हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को करसोग विधानसभा क्षेत्र के केलोधार में बीजेपी प्रत्याशी खुशाल ठाकुर के लिए जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह द्वारा कारगिल युद्ध पर बीते दिन बयान पर भी सवाल उठाए। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुझे बहुत विचित्र लगा जब प्रतिभा सिंह ने कारगिल को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा, “मैं किसी के बारे में व्यक्तिगत नहीं बोलता लेकिन कल जो उन्होंने कहा, उससे दुख पहुंचा। कारगिल में हमारे हिमाचल के 52 जवान शहीद हुए और इस युद्ध को छोटी सी लड़ाई कहा जा रहा है।"इससे पहले मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रतिभा सिंह पहले ही मंडी में कह चुकी हैं कि वो ये चुनाव नहीं लड़ना चाहती थीं। अगर ऐसा है तो उन्हें मजबूरी में इलेक्शन नहीं लड़ना चाहिए।"सीएम ने कहा, “आज मोदी जी के हाथों को मजबूत करने की जरूरत है। मैं खुले तौर पर कह रहा हूं कि मंडी हमारी थी और हमारी रहेगी। मंडी के लोगों को नेतृत्व करने का सौभाग्य मिला है। मंडी लोकसभा क्षेत्र लंबे अरसे से मुख्यमंत्री के लिए प्रयत्न कर रहा था। बारी-बारी से सभी लोकसभा क्षेत्रों से मुख्यमंत्रियों को मौका मिला। कांगड़ा, हमीरपुर, शिमला से भी मुख्यमंत्री बन चुके थे।आखिर में मंडी को मौका मिला।” कोविड का जिक्र करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि मुझसे पहले पांच मुख्यमंत्री प्रदेश में हुए, लेकिन उन्हें सामान्य परिस्थितियों में काम करने का मौका मिला। हमारी बारी आने पर परिस्थितियां असामान्य थीं। इसमें कोरोना का संकट सबसे बड़ा था। कोविड के संकट के बावजूद हमने विकास को गति देने की कोशिश की। कोरोना के कारण जिस तरह से काम करना चाहते थे वैसे काम करने का समय नहीं मिला। मुख्यमंत्री ने कहा, “कोरोना आने से पहले ही मैंने सवा साल में ही 68 विधानसभाओं का दौरा कर लिया था। इसके बाद कोरोना आया तो लोगों के बीच नहीं जा सके। फिर भी हमने ऑनलाइन उद्घाटन व शिलान्यास किए। हमारी किस्मत में लिखा था कि हमें परीक्षाओं के दौर से गुजरना पड़ेगा। मैं सभी लोगों का आभारी हूं कि उस दौर में आपने हिम्मत से हमारा साथ दिया। अब आपका फिर सहयोग चाहिए, खुशाल ठाकुर जी को बड़े अंतर से विजयी बनाएं।”
अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का आयोजन इस वर्ष 13 से 19 नवंबर, 2021 तक होगा। मेले के प्रबंधों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त सिरमौर एवं अध्यक्ष श्री रेणुका जी विकास बोर्ड रामकुमार गौतम ने कहा कि मेले के शुभारंभ के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री जबकि समापन समारोह के मौके पर राज्यपाल को मुख्य अतिथि के रूप में आमत्रिंत किया जाएगा। उपायुक्त ने इस बात पर भी जोर दिया कि मेले से पहले श्री रेणुका जी में सभी आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि मेले के दौरान लोगों को असुविधाओं का सामना ना करना पड़े। उन्होंने कहा कि पार्किंग और यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाए। मेले के सफल आयोजन हेतु सभी कार्यों के लिए उप समितियों का गठन किया जाएगा। देव पालकियों तथा वाद्य दल के प्रतिभागियों को कोविड टेस्ट अथवा कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगाने का प्रमाण पत्र लाना आवश्यक होगा। मेले के दौरान साफ-सफाई को लेकर विशेष कार्य योजना बनाई जाए। उन्होंने श्री रेणुका जी में सोलर लाइटों की व्यवस्था को सुचारू करने के लिए कहा। मेले में आने वाले लोगों की सहूलियत के लिए ददाहु से रेणुका सड़क पर रोशनी की भी समुचित व्यवस्था करने को लेकर उपायुक्त ने निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि मेले के दौरान पुलिस कानून एवं व्यवस्था को बनाए रखने को लेकर पहले की भांति ही अपना प्लान तैयार करे। उन्होंने कहा कि श्री रेणुका जी मेंले के दौरान स्वास्थ्य तथा आयुष विभाग द्वारा अस्थाई डिस्पेंसरी की स्थापना, बिजली, पेयजल, सड़क की मुरम्मत, शौचालयों की व्यवस्था, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सेंपलिंग टीम का गठन, स्मारिका प्रकाशन समेत मेले से जुड़े अन्य विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
भाजपा का चाल चरित्र व चेहरा अलग है। भाजपा मॅहगाई, बेरोजगारी पर बात न कर मुद्दों को भटका रही है। ग़रीब को छोड़िए मध्यम वर्ग को भी घर चलाना मुश्किल हो गया है। कोरोना में जब जनता को मदद की दरकार थी तब किसी की मदद नहीं की गई। सरकार ने इंडस्ट्रियल मीट करवाई। प्रदेश में उद्योग लगने के बजाए पलायन कर गए। कोरोना काल में हिमाचल के लाखों लोगों का रोज़गार छीन गया। गैर हिमाचलियों को प्रदेश में सरकारी नौकरियां दी जा रहा है। यह आरोप कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में लगाए। कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि देश के लोगों को जो वैक्सीन लग रही है, उसके प्रचार पर भाजपा सरकार पानी की तरह देश का पैसा बहाय जा रही है। कांग्रेस के समय भी कई वैक्सीन अभियान चलाए गए। लेकिन उन पर इतना खर्च नही किया गया। भाजपा करोड़ों रुपए भाजपा के फाइव स्टार कार्यालयों पर खर्च कर रही है। कुलदीप सिंह राठौर ने चारों सीटों में कांग्रेस पार्टी की जीत का दावा किया है और कहा है कि चुनाव परिणाम के बाद मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की कुर्सी ख़तरे में पड़ेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी ने सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव के दृष्टिगत जिला में मदिरा के उत्पादन, भण्डारण एवं वितरण के अनुश्रवण के लिए जारी आदेशों में संशोधन किया है। इस संशोधन के अनुसार अब राज्य कर एवं आबकारी विभाग सोलन के उप आयुक्त हिमांशु आर.पंवर के स्थान पर राज्य कर एवं आबकारी विभाग सोलन के सहायक आयुक्त रविन्द्र कुमार को राजस्व जिला सोलन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। राज्य कर एवं आबकारी विभाग बद्दी के उप आयुक्त वरूण कटोच के स्थान पर राज्य कर एवं आबकारी विभाग बद्दी के सहायक आयुक्त डाॅ.ओम प्रकाश यादव को राजस्व जिला बद्दी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव के दृष्टिगत जिला में मदिरा के उत्पादन, भण्डारण एवं वितरण के अनुश्रवण के लिए राजस्व जिला सोलन से सम्बन्धित जानकारी के लिए रविन्द्र कुमार से दूरभाष नम्बर 01792-223744 तथा मोबाइल नम्बर 94180-33622 या ईमेल dcste.solan@mailhptax.gov.in पर सम्पर्क किया जा सकता है। मदिरा के उत्पादन, भण्डारण एवं वितरण के अनुश्रवण के लिए राजस्व जिला बद्दी से सम्बन्धित जानकारी के लिए डाॅ ओम प्रकाश यादव से दूरभाष नम्बर 01795-271213 तथा मोबाइल नम्बर 94182-63006 या ईमेल aetc.bbn@mailhptax.gov.in पर सम्पर्क किया जा सकता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने मंगलवार को अर्की विधानसभा क्षेत्र के कुनिहार का दौरा किया। उन्होंने उच्च, नग्गर, खनोल, हाटकोट, नमहोल एवं भूमती गांव में बैठकों में भाग लिया उनके साथ प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल, भाजपा प्रवक्ता बलदेव तोमर, ज़िला परिषद अमर सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष डी के उपाध्याय पंचायत के प्रधान व वार्ड मेंबर उपस्थित रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने इस मौके पर सभी सथानों पर जन समस्याओं को भी सूना। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा चुनाव मोड में आ गई है, उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह यहाँ से विधायक थे और स्वास्थ्य में दिक्कत होने के कारण इस विधानसभा क्षेत्र को देख नही पाए। उन्होंने कहा कि भाजपा से प्रत्याशी रतन सिंह पाल इस क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे है, मुझे पूरा विश्वास है की यहाँ की जनता का आशीर्वाद भाजपा को प्राप्त होगा। अर्की विधानसभा क्षेत्र से लोकसभा चुनावों में भाजपा को 29000 मतों की बढ़त मिली थी और इन उपचुनावों में भी भाजपा को एसी ही लीड मिलेगी। उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृव में प्रदेश की सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। जयराम सरकार जो घोषणा करती है उसको पूरा भी करते है और बजट का प्रावधान भी करते है। उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री एक साधारण परिवार से आते है और जनता का दर्द समझते है। आज कांग्रेस पार्टी के पास भाजपा सरकार के खिलाफ कोई भी मुद्दा नही है, कांग्रेस के पास ना तो नेता है, ना नीति है और ना तो नियत है। कांग्रेस के नेता जिस प्रकार से सैनिकों का अपमान कर रही है, उसको भाजपा एवं प्रदेश की जनता सहन नहीं करेगी। उस अपमान का स्पष्ट परिणाम इन चुनावों में दिख जाएगा। कुनिहार में जल शक्ति का उप-मण्डल, बैरल और कुनिहार में पटवार सर्कल खोलने की घोषणा की और 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले उप तहसील कार्यालय भवन की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा के प्रति अनुकूल वातावरण इन उपचुनावों में भी भाजपा जीतेगी और 2022 के चुनावो में भी भाजपा ही जीतेगी।
एक तरफ भाजपा प्रत्याशी के रूप में ब्रिगेडियर मोरचा संभालेंगे तो दूसरी ओर कांग्रेस के स्टार प्रचारक के रूप में अभिनेता और सांसद राज बब्बर जुबानी हमला बोलेंगे। दिलचस्प यह होगा कि चुनावी जंग में कांग्रेस के स्टार प्रचारक में रूप में वह किस तरह से ब्रिगेडियर के सामने हुंकार भरेंगे। हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय उपचुनाव में कांग्रेस हिंदी सिनेमा की चर्चित एलओसी कारगिल फिल्म में ब्रिग्रेडियर कुशाल ठाकुर का किरदार निभाने वाले अभिनेता राज बब्बर को स्टार प्रचारक के रूप में फील्ड में उतारेगी। जल्द रील और रियल चरित्र चुनावी जंग में आमने-सामने होंगे। कारगिल युद्ध में 18 ग्रेनेडियर के कमान अधिकारी के रूप में रीयल लाइफ हीरो बिग्रेडियर ने ही सामरिक महत्व की टाइगर हिल और तोलोलिंग की चोटियों से पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़कर कब्जा किया। इस असाधारण पराक्रम के लिए युद्ध सेवा मेडल से ब्रिगेडियर कुशाल को सम्मानित किया गया था। यूनिट ने रिकॉर्ड 52 वीरता पुरस्कार प्राप्त किए थे। मंडी लोकसभा उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई। भाजपा प्रत्याशी कुशाल चंद ने कुशाल के आगे बिग्रेडियर और सरनेम में ठाकुर लगाने का आवेदन किया था, जिसे नियमों के तहत स्वीकार कर लिया गया। अब बैलेट पेपर में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर बिग्रेडियर कुशाल ठाकुर नाम चढ़ेगा।
प्रदेश सरकार भले ही भ्रष्टाचार मुक्त का नारा देकर प्रदेश के बेहतर निर्माण में निरंतर प्रयासरत है। लेकिन एक अनोखा मामला विधान सभा इंदौरा की पंचायत डैक्वां में देखने को मिला है। यहां मनरेगा विभाग ने सरकारी कर्मचारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर 1,66,319 रुपये जुर्माना निर्माण कार्य में घटिया सामग्री व काम में कोताही बरतने पर लगाया है। इन सभी को जुर्माने की अदायगी करने का नोटिस भी जारी किया गया है। ग्राम पंचायत डैक्वां के प्रधान पूर्णचंद, उप प्रधान सतीश कुमार, पंचायत सचिव सीमा देवी, जेई अभिषेक धीमान, ब्लाक इंदौरा पंचायत डैक्वां ग्राम सेवक हरदीप सिंह, पंचायत डैक्वां ग्राम सेवक विक्रम सिंह आदि जिम्मेदार पाए गए हैं। क्या था मामला ? बता दें पंचायत डैक्वां में राखें मनकोटिया मोहल्ले में मनरेगा के तहत एक पुलिया का निर्माण किया जा रहा था, इसकी लागत करीब 6,00,000 रुपये थी। जिसमें मनरेगा फंड 1,85,000 रुपये जिला परिषद फंड के तहत 2,00,000 रुपये डीसी फंड के तहत 2,00,000 मंजूर हुए थे। इस कार्य में कोताही बरतने का आरोप है। पुलिया के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री व काम में कोताही बरतने पर गांव वासियों ने इसका विरोध किया था। पुलिया बनाने वाले को सही मापदंड से निर्माण सामग्री लगाने के लिए कहा गया था। लेकिन वे नहीं माना और पुलिया का निर्माण उसी मापदंड की सामग्री से करता रहा। जिस कारण स्थानीय निवासी प्रशांत सिंह बंदराल इसकी शिकायत विकास खंड अधिकारी इंदौरा को की थी। लेकिन शिकायत का निर्माण करने वाले पर कोई असर नहीं हुआ। 15 दिन बाद पहली बरसात के कारण निर्माण की गई पुलिया टूट गई। विकास खंड अधिकारी ने मौके का जायजा लेकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने का लोगों को आश्वासन दिया था। मनरेगा लोकपाल ने एक कमेटी गठित की, जो पंचायत डैक्वां में टूटी पुलिया का निरीक्षण करने पहुंची। निरीक्षण करने के बाद मनरेगा लोकपाल ने इसमें छह आरोपितों को इस काम में जिम्मेदार ठहराया है। मनरेगा लोकपाल की चेयरमैन अंजला कुमारी बालिया ने 1,66,319 रुपये का जुर्माना लगाकर इन सभी को रिकवरी नोटिस डाले गए हैं।
उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत मंगलौर के गाँव शल्याउड़ी में देर रात अचानक दो मंजिला मकान में आग लग गयी। जिससे लगन कुमार सपुत्र बीरबल राम के घर में लगभग 4 लाख का नुकान हो गया। ग्राम पंचायत मंगलौर के प्रधान लवली ठाकुर ने बताया कि सोमवार देर रात को अचानक उपरोक्त व्यक्ति के मकान में आग लग जाने से मकान के उपर की मंज़िल में बने तीन कमरों के साथ घर पर रखा सामान भी जल कर राख हो गया । जिस समय आग भड़की उस समय घर पर कोई भी व्यक्ति मौजूद नही था। सभी किसी विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। ग्रामीणों को आग लगने की खबर मिली तो सभी ग्रामीणों द्वारा आगजनी वाले स्थल पर पहुंचे और दमकल के साथ पुलिस विभाग को घटना की सूचना दी। वही स्थानीय लोगों की सहायता से आग पर काबू पाया गया है। आग लगने से लगन कुमार के मकान का करीब 3 लाख का नुकसान सहित लगभग 80 हज़ार का सामान जल कर राख हो गया है। अभी तक आग लगने के कारणों का पत्ता नही लगा है। डीएसपी चारु शर्मा ने बताया कि देर रात आगजनी की घटना घटित हुई है। कारणों का पता अभी नही चल पाया है, आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
जयसिंहपुर उपमंडल के अंतर्गत हलेड़ में ब्यास नदी में डूबे कर्मचंद की पत्नी मधु देवी ने सोमवार को पुलिस थाना लंबागांव में शिकायत दर्ज करवाकर इस पूरी घटना में साजिश का अंदेशा जताया है। मधु देवी ने कहा कि उसके पति के डूबने की जो कहानी व्यक्ति बता रहा है, उसमें कहीं भी सच्चाई नजर नहीं आ रही है। कर्मचंद की पत्नी ने पुलिस से गुहार लगाई है कि जो व्यक्ति उस समय मेरे पति के साथ गया था, उससे कड़ाई से पूछताछ की जानी चाहिए। महिला के अनुसार, शनिवार दोपहर बाद तीन बजे पति ने बताया था कि वह काम के सिलसिले में अनु के साथ ब्यास नदी में जा रहा है और शाम को साढ़े पांच बजे आदित्य जग्गी ने बताया कि कर्मचंद ब्यास नदी में बह गया है। दूसरी ओर कर्मचंद को ढूंढने के लिए सोमवार सुबह से ही मंडी से आई 12 सदस्यीय एनडीआरएफ की टीम जुटी रही। सुबह पहले टीम ने उस स्थान पर गोताखोरों को ब्यास में उतारा जहां कर्मचंद डूबा हुआ था। लेकिन काफी देर तक ढूंढने के बाद जब गोताखोरों को कहीं भी सफलता नहीं मिली, तो फिर दोपहर 12 बजे के बाद बसंती पत्तन के पास गहरे पानी में फिर गोताखोर उतरे। लेकिन वहां भी उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस थाना लंबागांव थाना के एसएचओ केसर सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
अर्की के चौगान मैदान में चल रही रामलीला में बहुत ही मनमोहक दृश्य मंचित किये गये। जिसे आए दर्शकों ने खूब सराहा। जानकारी देते हुए क्लब के प्रधान हेमेंद्र गुप्ता ने बताया कि रामलीला में मुनि विश्वामित्र के यज्ञ को राक्षसों द्वारा भंग करना, मुनि विश्वामित्र का दशरथ दरबार में जाना व राम-लक्ष्मण को राजा दशरथ के पास अपनी रक्षा के लिए अपने साथ ले जाने के लिए मांगना, ताडका वध, सीता स्वयंवर सहित अन्य मनमोहक दृश्य मंचित किये गये। उन्होंने बताया कि इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि सोनू सोनी ने शिरकत की। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में लोगों से भगवान राम के पदचिन्हों पर चलने का आवाहन किया। उन्होंने अपनी ओर से रामलीला क्लब को 3100 रूपये की राशि भेंट की। रविवार को रामलीला के मंचन के दौरान दशरथ मरण, राम-लक्ष्मण व सीता का केवट से मिलन, केवट का भगवान राम-लक्ष्मण व माता सीता को अपनी नाव से नदी पार करवाना, भरत विलाप जैसे कुछ अन्य रोमांचक दृश्य मंचित किए गए।
नाहन के त्रिलोकपुर माता बालासुन्दरी मन्दिर में आश्विन नवरात्र पर्व पर सोमवार को लगभग 2500 श्रद्वालुओं ने माता के दर्शन कर आर्शीवाद प्राप्त किया। माता के दरबार मे लगभग 8 लाख 41 हजार 290 रूपये नगद राशि और 1240 ग्राम चाँदी चढ़ावे के रूप में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई।
नाहन : जिला सिरमौर के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए 464 लाभार्थियों को विभिन्न बैकों के माध्यम से 24 करोड़ 5 लाख रूपये के ऋण पत्र वितरित करते हुए उपायुक्त राम कुमार गौतम ने कहा कि यह राशि जिला की आर्थिकी को गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी। उपायुक्त सिरमौर ने अग्रणी बैंक द्वारा आज यहां चैगान मैदान में आयोजित एक दिवसीय ऋण उन्मुख कदम एवं ग्राहक सम्पर्क कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ऋण के द्वारा जहां एक ओर लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होते है, वहीं दूसरी ओर देश की आर्थिकी भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि बैंक तथा देश की आर्थिकी के बीच ग्राहक महत्वपूर्ण कड़ी के रुप में कार्य करता है। बैंक दुर्गम क्षेत्र के लोगों के लिए ऋण की व्यवस्था करवाए तथा मेलों, शिविरों तथा बैंक मित्रों के माध्यम से सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न प्रकार की योजनाओं की जानकारी पहूंचाना सुनिश्चित करें ताकि उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें। उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री स्वालंबन योजना आरम्भ की गई है जिसमें 25 से 45 वर्ष के युवाओं को 25 से 35 प्रतिशत अनुदान पर 1 करोड़ रूपये तक के ऋण उपलब्ध करवाए जाते हैं जिस पर उन्हें प्रथम 3 वर्ष के लिए 5 प्रतिशत ब्याज पर अनुदान भी प्रदान किया जाता है। पिछले वर्ष जिला में इस योजना के अंतर्गत 211 पात्र व्यक्तियों को 8 करोड़ 20 लाख के ऋण उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने बैंको से आने वाले समय में अपनी सेवाओं को ओर बेहतर करने का आह्वान करते हुए कहा कि बैंक अपने ग्राहकों को लोन लेने के समय सहायता प्रदान करें ताकि ग्राहक कोे लोन लेते समय कठिनाई का सामना न करना पडे़। इस मौके पर उपायुक्त ने जिला में कार्यरत 13 विभिन्न बैंको द्वारा लगाए गए हेल्पडेस्क का भी निरिक्षण किया। इस अवसर पर उप महाप्रबन्धक युको बैंक शिमला एसएस नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बैंक द्वारा लोगों को दी जा रही विभिन्न प्रकार की सेवाओं बारे विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस कार्यक्रम में प्रबन्धक अग्रणी बैंक राजेश अरोड़ा, सर्कल हेड़ पीएनबी संजीव कुमार, एलडीओ आरबीआई शिमला भरतराज आनन्द सहित विभिन्न बैंको के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
जमीनी विवाद को लेकर के गांव मैरा बणी के ही निवासी ने अपने पडोसी पर पुलिस थाना रक्कड मे जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। व्यक्ति ने पुलिस थाना रक्कड़ में दी गई शिकायत मे बताया कि गाव संदवा के एक व्यक्ति ने जिसने कि स्टे आर्डर के दौरान उसके मकान के साथ मकान का काम लगा रखा है को काम करने से मना करने पर अपने पुत्र व पत्नी के साथ मिलकर बांस के डण्डे से उसके भाई के सिर पर चोट मार दी और मौका पर उसका भाई बेहोश हो गया। खबर की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी रक्कड़ चिरन्जीलाल शर्मा ने बताया कि व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई करते हुए हमलावर अरोपियो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
श्रीराम लीला जनकल्याण समिति कुनिहार के सौजन्य से युवक मण्डल हाटकोट द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें फुटबॉल, शतरंज, कैरमबोर्ड, बैडमिंटन आदि शामिल हैं। ओपन फुटबॉल प्रतियोगिता में गत रविवार को रामलीला इलेवन व रवाईल किंग के बीच फुटबॉल प्रतियोगिता हुई। जिसमें रवाईल किंग टीम विजेता रही। वन्ही दूसरा मैच सोमवार को नमोल इलेवन व एनवाईसी कुनिहार के बीच खेला गया। जिसमे एनवाईसी इलेवन एक गोल दागकरर विजेता रही। वन्ही अगला मैच कोठी इलेवन व ऊंचा गांव के बीच खेला गया। इस मौके पर बतौर मुख्यातिथि प्रधान ग्राम पंचायत हाटकोट जगदीश अत्रि ने खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने का आग्रह किया।
उपमंडल देहरा के अंतर्गत पड़ते सनोट में हीरानगर तहसील अंब जिला ऊना से शादी पर आई महिला के लाखो रुपए के जेबरात नगदी जरुरी कागजात चोरी होने की शिकायत पुलिस थाना देहरा मे दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता प्रियंका कुमारी पत्नी कैलाश ठाकुर निवासी हीरा नगर डाकघर व तहसील अम्ब जिला ऊना ने पुलिस थाना देहरा में शिकायत पत्र देते हुए अरोप लगाया है कि वह सनोट में अपने रिश्तेदार के घर शादी मे आई थी। जब वह 7 अक्टूबर को बारात से वापिस सनोट पहुंची तो वह अपने सोने के गहने एक मंगल सूत्र- 50 ग्राम, दो कगने 30 ग्राम, 2 अंगूठी 10 ग्राम, झुमके 2-5 ग्राम, मोबाईल फोन, पैन कार्ड, आधार कार्ड व मैकप का बैग अपने रिश्तेदार के घर पर छोड़ कर दूसरे रिश्तेदार के घर सोने चली गई। सुबह उसे फोन पर पता चला कि उसका परस चोरी हो गया। खबर की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि शिकायतकर्ता के ब्यान के अनुसार पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि जिले में असंगठित क्षेत्र में कार्यरत सभी कामगारों का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत कर डाटाबेस तैयार किया जाएगा ताकि असंगठित क्षेत्र में कार्यरत कामगारों के लिए सरकार द्वारा आरंभ की गई विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे उनके विभागों में कार्यरत सभी गैर असंगठित कामगारों का 31 दिसम्बर तक ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि जिला में मनरेगा, आगंनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा-कार्यकर्ता, मिड-डे मील वर्कर, भवन एवं स्व-निर्माण बोर्ड के तहत पंजीकृत कामगारों व अन्य असंगठित क्षेत्र में कार्यरत सभी कामगारों का पंजीकरण श्रम पोर्टल पर करना आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग एवं खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मनरेगा से संबंधित सभी कामगारों का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने जिला कल्याण अधिकारी को सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य विभाग को सभी आशा-कार्यकर्ताओं, उप-निदेशक उच्चतर शिक्षा को सभी मिड-डे मील वर्कर, श्रम विभाग को सभी भवन एवं अन्य स्व-निर्माण कामगारों, दुकानों पर कार्यरत कर्मचारियों का, मतस्य विभाग को मछली व्यवसाय से जुड़े कामगारों तथा अन्य गैर असंगठित कामगारों का पंजीकरण करने के निर्देश दिए। बैठक की कार्यवाही का संचालन श्रम अधिकारी एस.एस बिश्ट ने किया।
सोमवार को विजयदशमी के उपलक्ष में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन और शस्त्र पूजन कार्यक्रम खंड गाडागुशैणी में आयोजित किया गया। जिसमें 130 गणवेश धारी स्वयंसेवकों ने भाग लिय। कार्क्रम में दीप लाल बतौर मुख्यअतिथि उपस्थित रहे। मुख्यअतिथि ने डॉ हेडगेवार के जीवन पर प्रकाश डाला और उनके पद चिन्हों पर चलने के लिए सभी स्वयंसेवकों और अन्य प्रतिभागियों को प्रेरित किया। जिला प्रचारक विवेक ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का परिचय दिया और उन्होंने विस्तार से समाज राष्ट्र सुरक्षा लव जिहाद आतंकवाद तथा अन्य ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से आग्रह किया कि समाज से इन सभी ज्वलंत मुद्दों और समस्याओं को दूर करने के लिए आगे आए।
कोविड वैक्सीनेशन की दूसरी डोज लगाने में किन्नौर जिला 15 अक्तूबर तक अपना लक्ष्य पूर्ण कर लेगा। यह जानकारी उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने मुख्य सचिव राम सुभग सिंह व सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमिताभ अवस्थी के साथ आयोजित वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के दौरान दी। उन्होंने कहा कि इससे जिला न केवल प्रदेश में बल्कि देश भर में कोविड की दूसरी डोज लगाने वाला प्रथम जिला बनकर उभरेगा। उन्होंने कहा कि किन्नौर जिला में कोविड का दूसरा टीका 96 प्रतिशत पात्र व्यक्तियों द्वारा लगाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिले में 60,305 व्यक्तियों को कोविड का दूसरा टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें से अभी तक 57,626 व्यक्तियों ने कोविड का दूसरा टीका लगा लिया है। आबिद हुसैन सादिक ने मुख्य सचिव को बताया कि जिला प्रशासन द्वारा लक्ष्य को हासिल करने के लिए अनेक पग उठाए गए थे जिसके तहत पंचायत सचिव व पंचायत प्रधानों को लोगों को कोविड का दूसरा टीका लगाने के लिए प्रोत्साहित करने का जिम्मा सौंपा गया था। इसके अलावा लोगों को कोविड का दूसरा टीका लगाने के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया गया है जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और आज जिले में 96 प्रतिशत पात्र व्यक्तियों द्वारा दूसरा टीका लगाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अब जिला प्रशासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि कोविड का दूसरा टीका लगाने से वंचित रहे जिले के लगभग 2700 लोगों को उनके घर-द्वार पर ही दूसरा टीका लगाने के लिए एक योजना बनाई गई है जिसके तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीकाकरण के लिए मोबाईल दलों का गठन किया गया है जो स्थानीय प्रधान व सचिव के आग्रह पर क्षेत्र-विशेष में जाकर टीकाकरण करेगा। उन्होंने कहा कि इन दिनों जिले में सेब व अन्य कार्यों में स्थानीय लोग व्यस्त हैं। इसलिए प्रशासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है ताकि 15 अक्तूबर तक सभी को कोविड का दूसरा टीका लगाया जा सके जिससे जिला न केवल प्रदेश में अपितु देश भर में कोविड वैक्सीनेशन की शत-प्रतिशत दूसरी डोज पात्र व्यक्तियों को लगाने वाला प्रथम जिला बनकर उभरेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सोनम नेगी ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार विभाग द्वारा मोबाईल टीमों का गठन कर दिया गया है। इस दौरान टीकाकरण अधिकारी डाॅ. अन्वेषा नेगी भी उपस्थित थी।
पिछले सप्ताह स्कूल शिक्षा बोर्ड की वर्चुअल बैठक में हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ द्वारा टर्म परीक्षाओं को लेकर सुझाव दिए गए थे। जिसमें से बहुत से सुझावों को बोर्ड की ऑफलाइन बैठक में मान लिया गया है। स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन सुरेश सोनी की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में शिक्षक महासंघ के प्रांत अध्यक्ष पवन कुमार, जिला कांगड़ा के अध्यक्ष जोगिंदर शर्मा और मंडी विभाग के प्रमुख शशि शर्मा ने भाग लिया। सुंदरनगर में जारी प्रेस बयान के माध्यम से जानकारी देते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी दर्शन लाल ने बताया कि महासंघ द्वारा शीतकालीन अवकाश को देखते हुए फर्स्ट टर्म की परीक्षाओं को 5 दिसंबर से पहले संपन्न करवाने की बात कही गई थी। बैठक में इस संबंध में बोर्ड द्वारा फर्स्ट टर्म की परीक्षाओं को नवंबर से शुरू करके 5 दिसंबर तक समाप्त करने का निर्णय लिया है। इसके साथ शीतकालीन अवकाश के बाद सेकंड टर्म की परीक्षाओं के लिए बच्चों को तैयारी के लिए कम समय मिल रहा था। जिसे लेकर महासंघ द्वारा सेकंड टर्म की परीक्षाओं को 15 अप्रैल के बाद करवाने बारे अपनी सहमति प्रदान कर दी है। इसके साथ बैठक में फर्स्ट टाइम की परीक्षाओं का मूल्यांकन स्थानीय स्कूल स्तर पर करने का निर्णय लिया गया है। पांचवी से आठवीं कक्षा तक की पंजीकरण शुल्क माफ करने के साथ 9वी से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की फर्स्ट और सेकंड टर्म बोर्ड परीक्षा शुल्क में ₹100 की रियायत प्रदान किए जाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। शिक्षक महासंघ के पदाधिकारियों ने इस संबंध में सरकार और बोर्ड का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा कोविड-19 के चलते उत्पन्न हुई परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी निर्णय विद्यार्थियों और अध्यापकों के हित में लिए गए हैं।
8 अक्तूबर को परागपुर से सटे गांव लग बलियाना से लापता हुए 45 वर्षीय युवक की कालेश्वर महादेव स्थित ब्यास नदी मे छलांग लगाने की पुष्टि हो चुकी है क्योंकि सोमवार सुबह उक्त व्यक्ति की लाश चुधरेड पँचायत के तहत पड़ते फेरा ब्यास नदी में मिला है। घर से लापता हुए उक्त व्यक्ति की स्कूटी चम्बापतन कालेश्वर महादेव पुल के निकट पुलिस को बरामद हुई थी। लिहाजा पुलिस ने शक जाहिर किया था कि उक्त व्यक्ति ने कही यहां गहरे पानी मे छलांग लगाई है। हालांकि पुलिस टीम ने वहां गोताखोर की टीम बुलाकर उसे ढूँढ़ने की कवायद शुरू भी की, परन्तु उस समय उन्हें सफलता नहीं मिली। गौरतलब हो कि सोमवार सुबह ही उक्त व्यक्ति का शव ब्यास नदी में तैरता हुआ मिला है जिसे एनडीआरएफ की टीम की मदद से बाहर निकाला गया है। जानकारी पाते ही मौके पर देहरा थाना डीएसपी अंकित शर्मा एवम अन्य पुलिस दल-बल मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। बता दें कि मृतक के बेटे ने शव की शिनाख्त कर दी है। खबर की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि लग बलियाना का 45 वर्षीय सुरेश कुमार पुत्र मस्तराम गत आठ अक्तूबर को रहस्यपूर्ण परिस्थितियों से लापता हुआ और उक्त व्यक्ति की आठ अक्तूबर को पुलिस थाना देहरा मे गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज की गयी थी। जिसकी लाश पुलिस ने ब्यास नदी से प्राप्त कर ली है।
जुब्बल, नावर, कोटखाई में होने वाले उप चुनाव को देखते हुए टिक्कर में कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर ने कांग्रेस कार्यालय का शुभारंभ किया और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते कहा कि नावर क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का भावनात्मक संबंध रहा है, वहीं नावर क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ भी रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में नावर क्षेत्र की हर पंचायत में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुटता के साथ घर-घर तक पहुँच कर भाजपा की बाग़वान विरोधी नीतियों, बेरोजगारी, महँगाई के मुद्दों को जनता के बीच ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से बाग़वानी क्षेत्र संकट के दौर से गुज़र रहा है। भाजपा सरकार के पिछले साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में नावर क्षेत्र की घोर अनदेखी हुई है। इस बैठक में प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मनीष ठाकुर और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शक्तिपीठ ज्वालामुखी में शारदीय नवरात्रों में रिकॉर्ड भीड़ देखने को मिल रही है। रविवार के मुकाबले आज छठे नवरात्र पर सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या थोड़ी कम रही और आज 15 हजार भक्तों ने ज्वाला मां के दरबार में लाइनों में लगकर ज्वाला मां के दर्शन किए और मां का शुभाशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर अधिकारी व तहसीलदार दीनानाथ ने जानकारी देते हुए बताया कि पांचवे नवरात्र पर भक्तों द्वारा 26 लाख 94 हजार 02 रुपये की राशि व 09 ग्राम 800 मिली ग्राम सोना, 658 ग्राम चांदी व विदेशी मुद्रा में 100 डॉलर व 20 यूरो भी माता के चरणों मे अर्पित किये गए। उन्होंने बताया कि नवरात्र पर सोमवार को भीड़ थोड़ी कम देखने को मिली है। मन्दिर प्रसाशन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
हमीरपुर: बाल विकास परियोजना सुजानपुर के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र बनाल में आंगनबाड़ी सहायिका का पद भरा जाएगा। इस पद के लिए 18 अक्तूबर को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय सुजानपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। बाल विकास परियोजना अधिकारी कल्याण चंद ने बताया कि 21 से 45 वर्ष तक की आयु की महिला इस पद के लिए पात्र हैं। आवेदक कम से कम आठवीं पास होनी चाहिए और उसकी वार्षिक आय 35 हजार रुपये से अधिक न हो। वह आंगनबाड़ी केंद्र बनाल के तहत आने वाले क्षेत्र की ही निवासी होनी चाहिए तथा उसके परिवार का नाम पंचायत परिवार रजिस्टर में एक जनवरी 2021 को या इससे पहले का दर्ज होना चाहिए। पात्रता के नियमों और अन्य शर्तों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-272856 पर संपर्क किया जा सकता है। स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान, सचिव और बनाल की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
आनी में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा होने वाले चारो उपचुनावों के लिए एकजुट होकर कार्य कर रही हैं। भाजपा मंडी लोकसभा सीट सहित विधानसभा की तीनों सीटें जीतेगी यह तय है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के पास कोई चुनावी मुद्दा नहीं रह गया है। पूर्व मुख्यमंत्री स्व वीरभद्र सिंह के नाम पर कांग्रेस जनता के बीच जा रही है। वीरभद्र सिंह को छोड़ कांग्रेस के किसी भी नेता के पास कुछ भी बोलने को नहीं रह गया है। महंगाई और बेरोजगारी के विषय में जो काँग्रेस आज बयानबाजी कर रही है। उसके बारे में वह ये बताये की क्या बेरोजगारी औऱ महगाई इन्ही 3 सालों में बढ़ी, उससे पहले नही थी।आज भाजपा इस से निपटने के लिए प्रयासरत है। कांग्रेस के स्टारप्रचारक की सूची को देखे तो इन्होंने ऐसे लोगो का चयन किया है जो लोगों को डराने का कार्य करने के साथ देश विरोधी कार्य करते रहें है। उन्होंने कांग्रेस के उस बयान की कड़े शब्दों में निंदा की जिसमें उन्होंने सेना का अपमान किया है।
लाहौल में पंचायत समिति के सभी नवनिर्वाचित 15 सदस्यों को एसडीएम प्रिया नागटा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। 18 अक्टूबर को 11बजे समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के लिए चुनाव होगा। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में आज लाहौल मण्डल के नवनिर्वाचित पंचायत समिति के सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपद दिलाई गई। इस अवसर पर नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए पंचायत समिति के सदस्यों से अपील की कि जनता व प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बैठा कर जनहित के कार्यो को प्राथमिकता दे ताकि इलाके का विकास हो। उन्होंने जिले को स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर बनाने के लिये नवनिर्वाचित सदस्यों से सहयोग की अपील कि। वहीं आज सर्वसहमति ना बन पाने के कारण पंचायत समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव नही हो पाया। लाहौल मण्डल की पंचायत समिति में 15 सीट में से 7 भाजपा जबकि 5 कांग्रेस जबकि 3 निर्दलीय है। इस अवसर पर बीडीओ डॉ विवेक गुलेरिया सहित पंचायती राज विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हमीरपुर: सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर ने छोटी गाडिय़ां किराए पर लेने के लिए सरकारी पंजीकृत ठेकेदारों, ट्रांसपोर्टरों एवं टैक्सी आपरेटरों से 19 अक्टूबर तक मोहरबंद निविदाएं आमंत्रित की हैं। सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल संजीव कुमार त्यागी ने बताया कि निविदाओं पर जीएसटी नंबर साफ-साफ अंकित होना चाहिए। उन्होंने बताया कि 19 अक्तूबर तक प्राप्त मोहरबंद निविदाएं 20 अक्तूबर को सुबह 10 बजे खोली जाएंगी। अधिक जानकारी के लिए हीरानगर स्थित सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के दूरभाष नंबर 01972222214 पर संपर्क किया जा सकता
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते कड़ोआ में 52 वर्षीय व्यक्ति को उसके ही गाँव के व्यक्ति द्वारा किसी नुकीली चीज से वार करके गम्भीर रूप से जख्मी करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह सोमवार सुबह चोकर का तसला लेकर अपनी पशुशाला की ओर जा रहा था उसी दौरान स्थानीय गाँववासी ने उसके ऊपर नुकीली चीज से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह जख्मी हो गया। इस दौरान हमलावर मौके से फरार हो गया। व्यक्ति ने बताया कि उसके चिल्लाने पर उसकी पत्नी और बेटा व गाँव के लोग उसके पास पहुंच गए। व्यक्ति की गम्भीर हालत को देखते हुए उसके परिवार वाले एवम गाँव वासी उसे उपचार हेतु सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी लेकर गए। बताया जा रहा है कि जख्मी व्यक्ति आईपीएच विभाग में बतौर चालक का कार्य करता है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयान पर पुलिस ने हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से तफ़्तीष कर रही है।


















































