ठाकुर जगदेव चंद स्मारक महाविद्यालय सुजानपुर टिहरा में शैक्षणिक सत्र 2021-2022 के लिए नई PTA कार्यकारिणी का गठन हुआ। इसमें सर्वसम्मति से शशी पाल अध्यक्ष, प्रकाश सड़याल उपाध्यक्ष, सचिव पद के लिए प्रो सुरेंद्र कुमार, संयुक्त सचिव पद के लिए मोनिका चौधरी, मुख्य सलाहकार पद के लिए खदेव सिंह ठाकुर को चुना गया। कार्यकारणी सदस्यों में प्रो प्रमोज शर्मा, प्रो विजय ठाकुर, प्रो जितेन्द्र ठाकुर, प्रो संगीता सिंह, सुभाष, कुसुम शर्मा, सरवजीत कौर, कुसम का चयन किया। इनके अलावा विजय ठाकुर का चयन तकनीकी सलाहकार के लिए किया गया।
अर्की विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव को देखते हुए पुलिस थाना कुनिहार दाड़लाघाट तथा बागा में सीमा सुरक्षा बल की तीन टुकड़ियां तैनात की गई है। डीएसपी दाड़लाघाट प्रताप सिंह ठाकुर ने बताया कि सरकार के आदेश अनुसार अर्की उपचुनाव क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्वक करवाने हेतु शनिवार को विभिन्न मतदान केंद्रों पर फ्लैग मार्च निकाला गया तथा संवेदनशील मतदान केंद्रों का जायजा लिया गया। पुलिस थाना दाड़लाघाट के अधीन ग्राम पंचायत रौड़ी में आने वाले अति संवेदनशील मतदान केंद्रों तथा अन्य केंद्रों पर एसएचओ जीत सिंह की अगुवाई में सीमासुरक्षा बल के जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला और मतदान केंद्रों का जायजा लिया। इसी प्रकार अन्य पुलिस थाना के अंतर्गत भी सीमा सुरक्षाबल के जवानों ने फ्लैग मार्च निकाले ताकि इस विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव शांतिपूर्ण ढंग से हो सके।
स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म बाहरा यूनिवर्सिटी वाकनाघाट के संकाय ने यहम भोपाल द्वारा आयोजित जेन नेक्स्ट हॉस्पिटैलिटी फोस्टरिंग रिसर्च, इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप पर एक अंतरराष्ट्रीय ई-सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ पेपर प्रस्तुति पुरस्कार में प्रथम स्थान हासिल किया। इस सम्मेलन में दुनिया भर से मौजूद 70 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विकेश कश्यप एचओडी, स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म बहारा विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य वरुण ठाकुर बाहरा विशवविद्यालय ने जनरल नेक्स्ट हॉस्पिटैलिटी "फोस्टरिंग रिसर्च इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप" पर एक अंतरराष्ट्रीय ई सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ पेपर प्रस्तुति पुरस्कार प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम पर्यटन मंत्रालय भारत के तहत एनसीएचएमसीटी से संबद्ध आईएचएम भोपाल द्वारा 7 और 8 अक्टूबर को आयोजित किया गया। बाहरा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ बीएस नागेंद्र पराशर ने कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए खुशी की बात है। विश्वविद्यालय हमेशा संकाय विकास कार्यक्रमों पर जोर देता है। पीआरओ बाहरा विश्वविद्यालय ने कहा कि स्कूल ऑफ़ हॉस्पिटलिटी एंड टूरिज्म क्षेत्र में आतिथ्य और पर्यटन शिक्षा में सर्वोत्तम डिग्री प्रदान करता है।
शनिवार को करसोग की प्लैटिनम सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की टीम द्वारा करसोग बाजार में आवारा कुत्तों के लिए एंटी रेबीज वैक्सीनेशन कैंप लगाया गया। संस्था प्रमुख लक्ष्य शर्मा, रितु वर्मा व मीना शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि करसोग में आये दिन आवारा कुत्तों की संख्या में वृद्धि हो रही है तथा लोगों को रास्तों में चलना मुश्किल हो गया है। तथा यह आवारा कुत्ते कभी भी किसी व्यक्ति को अपना शिकार बना सकते हैं। उसी के चलते वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ रविंदर तथा उनके विभाग के कुछ कर्मचारियों( शिवराम और ढालचंद) के सहयोग से इस वैक्सीनेशन कैंप को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। संस्था के कर्मचारी समस्त जनता से आग्रह करते है कि ऐसे कार्यों को करने के लिए सदैव आगे आएं और समाज के प्रति अपने दायित्व को समझे और उन्हें निभाने का भी प्रयास करें। इस वैक्सीनेशन कैंप के अंतर्गत प्लैटिनम सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की टीम द्वारा लगभग 10 आवारा कुत्तों को वैक्सिंग लगने की पुष्टि की गई है। तथा उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बचे बाकी आवारा कुत्तों को भी यह वैक्सीन लगाई जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उप निर्वाचन के दृष्टिगत सभी उम्मीदवारों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्वाचन से संबंधित पैम्पलेट, पोस्टर इत्यादि की छपाई के संबंध में जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 127-ए का पालन करें। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि चुनाव से संबंधित पैम्पलेट, पोस्टर इत्यादि की छपाई जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा-127ए द्वारा संचालित है। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के अनुसार सभी प्रकार के पोस्टरों तथा पैम्पलेट पर मुद्रक तथा प्रकाशक का नाम एवं पता अंकित होना अनिवार्य है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मुद्रक प्रकाशक की पहचान के विषय में प्रकाशक द्वारा हस्ताक्षरित घोषणा उपलब्ध होने पर ही चुनावी पैम्पलेट या पोस्टर छापेगा। इस घोषणा को ऐसे दो व्यक्तियों द्वारा सत्यापित किया जाना चाहिए जिन्हें मुद्रक स्वयं जानता हो। इस संबंध में घोषणा की प्रतिलिपि भी मुद्रक को उपलब्ध करवानी होगी। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि पैम्पलेट एवं पोस्टर की छपाई के उपरांत प्रकाशक की घोषणा एवं विषय वस्तु के संबंध में जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध करवानी जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य की राजधानी में की गई छपाई के संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा अन्य सभी मामलों में इस संबंध में जानकारी उस जिला के जिला दण्डाधिकारी को उपलब्ध करवानी होगी जहां इन्हें छापा गया है। उन्होंने कहा कि होर्डिंग, फ्लैक्स इत्यादि पर निर्वाचन सम्बन्धी विज्ञापन जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 127-ए के तहत पोस्टर की परिभाषा की परिधि में आते हैं। इन पर भी मुद्रक का नाम एवं पता होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि अधिनियम की धारा 127ए की उप धारा (2) के निर्देशानुसार निजी सम्पत्ति पर होर्डिंग, फ्लैक्स इत्यादि लगाने के लिए सम्पत्ति स्वामी की पूर्व अनुमति अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक अथवा निजी स्थान पर निर्वाचन सम्बन्धी सामग्री लगाने के सम्बन्ध में उम्मीदवार अथवा दल को निर्वाचन अधिकारी को सूचना देनी होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनावी पैम्पलेट अथवा पोस्टर में धर्म, जाति, समुदाय अथवा भाषा के आधार पर किसी भी तरह की अपील करना अपराध है। उन्होंने कहा कि इस तरह की चुनावी सामग्री में कोई भी उम्मीदवार अपने विरूद्ध चुनाव लड़ रहे अन्य उम्मीदवारों का चरित्र हनन नहीं कर सकता। इस संबंध में जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा-127ए उल्लंघन के सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
धर्मशाला: राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां में रोवर्स एवं रेंजर इकाई द्वारा नए शैक्षिणक सत्र 2021-2022 के लिए प्रवेश शिविर का आयोजन 11 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक ग्रुप लीडर डा.अशोक कुमार चौधरी, रोवर लीडर प्रो आशीष रंजन एवं रेंजर लीडर प्रो सुनीता कटोच के दिशा-निर्देश में किया गया। इस शिविर में सीनियर रोवर रेंजर ने आकांक्षी रोवर्स एवं आकांक्षी रेंजर्स को स्काउटिंग के इतिहास, सिद्धांत, नियम इत्यादि से अवगत करवाया एवं अपने अनुभव सांझा किए। शिविर के अंतिम दिन रेंजर लीडर प्रो सुनीता कटोच के दिशा-निर्देश में प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। जिसमें 12 रोवर्स एवं 18 रेंजर्स ने प्रवेश परीक्षा में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित की।
दाड़लाघाट में पार्किंग ना होने के कारण वाहन चालकों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। चालक वाहनों को सड़क किनारे खड़ी करने को मजबूर है, जिसका मुख्य कारण पार्किंग के लिए उचित स्थान ना होना बताया जा रहा है। पार्किंग की समस्या दिनोंदिन विकराल रुप ले रही है ।इससे जहां एक ओर हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती है, वहीं दूसरी ओर दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।इससे राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि अंबुजा सीमेंट प्लांट लगने के बाद ट्रकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है, इसके अतिरिक्त चार पहिया वाहन और दो पहिया वाहनों की संख्या में भी काफी वृद्धि हुई है। कंपनी ने ट्रकों की पार्किंग के लिए ट्रक मार्ग तो बनाया,लेकिन गाड़ियों की संख्या को देखते हुए नाकाफी है। उन्होंने बताया कि पैदल स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे अधिक मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पार्किंग ना होने से स्थानीय टेक्सी यूनियनों और दुकानदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वेद प्रकाश शुक्ला, इंदर सिंह चौधरी, अनिल गुप्ता, प्रेम केशव, संतराम पंवर, सुमन गौतम, प्रदीप, नीरज कपिला, रमेश, दीपक गजपति, जगदीश ठाकुर, हेतराम, दीपक वशिष्ठ सहित अन्य लोगों ने बताया कि दाड़लाघाट राष्ट्रीय उच्च मार्ग 205 पर स्थित होने के कारण यहां से सैकड़ों वाहनों के अन्य जिलों लिए आवाजाही है। इसके अतिरिक्त यहां करीब पांच बैंको की शाखाएं स्थापित है। लोग बैंक से संबंधित कार्य के लिए यहां आते है, लेकिन पार्किंग ना होने के कारण परेशानी झेलनी पड़ती है।
सोलन जिला के 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के उपनिर्वाचन में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत अभिनव माध्यम से जन-जन को मतदान का महत्व समझाया जा रहा है। इसी कड़ी में राजकीय स्वीप टीम के सदस्यों द्वारा राजकीय महाविद्यालय अर्की में क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित कर लोगों को मतदान का महत्व बताया गया। स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी शिव कुमार ने कहा कि इस प्रतियोगिता का शुभारम्भ तहसीलदार कुनिहार रमन ठाकुर ने किया। प्रतियोगिता की विजेता टीम एवं मैन ऑफ मैच को ट्राॅफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिव कुमार ने कहा कि स्वीप टीम के सदस्यों द्वारा उपस्थित खिलाड़ियों एवं छात्र-छात्राओं का आह्वान किया गया कि वे 30 अक्तूबर को वोट डालने आवश्य जाएं तथा अपने अभिभावकों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करें। छात्रों को बताया गया कि लोकतन्त्र में एक-एक वोट का महत्व है और उन्हें लोकतन्त्र के इस महापर्व में अपना योगदान अवश्य देना चाहिए। सभी को अवगत करवाया गया कि मतदान स्वस्थ लोकतन्त्र की नींव है और सभी मतदान कर विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वीप के अन्तर्गत आयोजित की जा रही गतिविधियों का उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक बनाकर मतदान की प्रतिशतता में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि लोकतन्त्र में एक-एक वोट का महत्व है। इसके लिए आवश्यक है कि युवा पीढ़ी इस दिशा में जागरूक हो। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि लोकतन्त्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदान अवश्य करें। उन्होंने कहा कि 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में 950 से अधिक मतदाताओं वाली संख्या वाले मतदान केन्द्रों के साथ लोगों की सुविधा के लिए सहायक 22 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं ताकि कोविड-19 के दृष्टिगत भीड़ एकत्र न हो। अर्की महाविद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक शर्मा ने भी छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि वे वोट देकर लोकतन्त्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित बनाएं। इस अवसर पर पुनीत ठाकुर, संजय वर्मा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।
हिमाचल प्रदेश के एकमात्र सैनिक स्कूल सुजानपुर में सत्र 2022-23 के लिए छठी कक्षा में प्रवेश के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर है। इस बार की यह परीक्षा 73 सीटों के लिए होगी। जिसमें 63 लड़के और 10 लड़कियां आरक्षित की गई हैं। गौरतलब है कि गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी सैनिक स्कूल में 10 लड़कियों का प्रवेश हो रहा है। देश स्तर पर करवाए जाने वाले इस सैनिक स्कूल के एग्जाम को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी एनटीए द्वारा आयोजित किया जा रहा है। परीक्षा में बैठने के लिए छात्र-छात्राओं की आयु सीमा 1 अप्रैल 2010 से 31 मार्च 2012 तक होनी चाहिए। जो भी अभ्यर्थी इस आयु सीमा के भीतर आते हैं, वह सभी सैनिक स्कूल की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए एनटीए ने अपनी वेबसाइट का लिंक जारी किया है। आरक्षित वर्ग के लिए आवेदन करने हेतु 400 एवं सामान्य वर्ग के लिए 550 दरें निर्धारित की गई है। यह जानकारी स्कूल के सरकारी प्रवक्ता द्वारा दी गई है।
हिमाचल प्रदेश में आज से मौसम करवट बदलेगा। प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है, इससे आने वाले दिनों में ठंड में इजाफा होने की भी पूरी संभावना बन रही है। मौसम विभाग ने शनिवार से सोमवार तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज शनिवार को छह जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में आंधी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को लाहुल-स्पीति को छोड़ 11 जिलों में आंधी और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। तीन जिलों शिमला, सोलन व सिरमौर में आंधी चलने के साथ भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि आठ जिलों के लिए यलो अलर्ट रहेगा। इससे आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आएगी। शुक्रवार को दशहरे के दिन धूप खिली रही और इसके कारण करीब एक से दो डिग्री सेल्सियस तक तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। सुंदरनगर और सोलन का न्यूनतम तापमान शिमला से करीब दो से ढाई डिग्री तक कम दर्ज किया गया है। शिमला का अधिकतम तापमान 26 डिग्री के पार पहुंच गया है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 35.0 डिग्री दर्ज किया गया है। दो सड़कें कुल्लू में व एक मंडी में बाधित है। 144 ट्रांसफार्मर खराब होने से कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित है।
800 मेगावाट की कोलडैम जलविद्युत परियोजना को लेकर हिमाचल सरकार और नेशनल थर्मल पावर कारपोरेशन में हुए करार का परिणाम है कि कई राज्यों में कोयले के संकट के बावजूद प्रदेश को 170 मेगावाट बिजली रोजाना मिल रही है। कोयले से तैयार हो रही यह बिजली हिमाचल राज्य विद्युत बोर्ड को प्राप्त हो रही है। ऐसे में फिलहाल राज्य में विद्युत संकट की कोई संभावना नहीं है। इसके अलावा राज्य को बैंकिंग प्रणाली से दिल्ली स्थित बीआरपीएल बीएसईइस राजधानी पावर लिमिटेड से रोजाना 19 लाख यूनिट बिजली प्राप्त हो रही है। यह बिजली हिमाचल ने इस बार केवल दिल्ली को ही दी थी, जो आठ अक्टूबर से वापस लेना शुरू कर दी है।
प्रदेश में अब भूस्खलन और अन्य आपदाओं का रियल टाइम डाटा एकत्र करने के लिए एनआईटी हमीरपुर के विशेषज्ञ एक एप तैयार करेंगे। एप के माध्यम से आगामी दिनों में सेटेलाइट डाटा के आधार पर एरिया की मेपिंग होगी। भूस्खलन होने पर सेटेलाइट इमेज के आधार पर इसके कारणों का शोध भी संभव हो सकेगा। यह एप भूस्खलन होने पर तुरंत राहत और बचाव कार्य करने वाली एजेंसियों को सूचना देगा। इस एप को इस हिसाब से डिजाइन किया जा रहा है कि निर्माण कार्य करने वाले एजेंसियों, पर्यटकों और आम लोगों को यह जानकारी मिल सके कि भूस्खलन के कारण किस एरिया में कौन सी सड़क बाधित है और उनके पास कौन सा वैकल्पिक मार्ग मौजूद है। इस एप में रियल टाइम डाटा के आधार पर लोकेशन की स्टडी होगी। डाटा एकत्र होने के बाद यह पता चल सकेगा कि किस क्षेत्र में किस समय घटनाएं सामने आ आ रही हैं। इससे एक तरफ जहां अलर्ट मिलेगा तो दूसरी और एक डाटा तैयार होगा।
हिमाचल के सरकारी स्कूल के छात्रों को स्मार्ट वर्दी के लिए और इंतजार करना होगा। प्रदेश में आचार संहिता खत्म होने और दिवाली के बाद ही विद्यार्थियों को यह वर्दी मिल पाएगी। इसके अलावा सरकार की ओर से पहली, तीसरी, छठी और नौवीं कक्षाओं के विद्यार्थियों को स्कूल बैग दिए जाने थे, इसके आवंटन को लेकर भी आयोग की अनुमति मांगी गई है। इस पर भी संशय बना हुआ है। हिमाचल में पहली से बारहवीं कक्षा के छात्र और छात्राओं को स्कूल वर्दी दी जानी है। हिमाचल में इन छात्रों की संख्या आठ लाख के करीब है। हर साल छात्रों को वर्दी दी जाती है। पहली से दसवीं कक्षा तक के छात्र छात्राओं को सिलाई के पैसे तक भी दिए जा रहे है जबकि 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को अपने खर्चें पर वर्दी सिलानी होती है।
कांगड़ा नई पेंशन स्कीम कर्मचारी एसोसिएशन के कांगड़ा जिला प्रधान रजिंदर मन्हास ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि वर्तमान में हिमाचल के तीन विधानसभा क्षेत्र और एक लोकसभा क्षेत्र में उपचुनाव हो रहे है। उन्होंने कहा कि बड़े दुख की बात है कि प्रदेश की दोनों बड़ी पार्टियों में से पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर कोई प्रतिक्रियाअभी तक सामने नहीं आई है। जिससे हिमाचल के एक लाख एनपीएस कर्मचारी हैरान है। जिला प्रधान ने कहा कि पिछले 6 साल से हिमाचल के कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को बड़े जोर-शोर से दोनों पार्टियों के समक्ष उठाया है। लेकिन नई पेंशन स्कीम की मांग को नज़रअदाज़ करना उन कर्मचारियों के साथ धोखा है। जिला प्रधान ने कहा कि कोरोना काल में हर सरकारी कर्मचारी ने बड़े बेहतर ढंग से अपनी ड्यूटी की जहां लोग घरों में बंद थे। सरकारी कर्मचारी सड़कों पर, अस्पतालों में सेंटर और बैरियर पर हाई रिस्क में अपनी ड्यूटी कर रहा था। जिला प्रधान ने कहा कि तीसरी लहर के खतरे के बीच भी कर्मचारी लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए इन उपचुनाव में चुनाव ड्यूटी कर रहे हैं परंतु दोनों बड़ी पार्टियां इन कर्मचारियों की वर्षों से चली आ रही मांग पेंशन बहाली के मुद्दे पर खामोश है। जिला प्रधान ने दोनों बड़ी पार्टियों को पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर अपना रुख स्प्ष्ट करने का आग्रह किया है।
हिमाचल प्रदेश जलशक्ति विभाग अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने इंजीनिअर संजीव कौल की प्रमुख अभियंता के पद पर पदोन्नति व मुख्यालय शिमला में तैनाती पर मुलाकात कर बधाई दी। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष एलड़ी चौहान ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यालय में नवनियुक्त प्रमुख अभियंता से मुलाकात की तथा कहा की जलशक्ति विभाग का हर कर्मचारी विभाग की बेहतरी हेतु राज्य के अग्रणी विकास के लिए वचनवद्ध है। चौहान ने कहा कि संजीव कौल एक बहुत की काबिल, तेजतर्रार अधिकारी है। साथ ही उन्होंने कहा कि विभागीय कर्मचारियों की जो भी लंबित व ज्वलंत मांगे है उनके भी चरणबद्ध तरीके से पूरे होने उम्मीदे बढ़ी है। प्रमुख अभियंता ने इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल का आभार प्रकट करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से विभाग के कार्यों को बेहतर दिशा दी जाएगी।
वन वृत नाहन द्वारा वन विभाग में 14 वर्ष का सेवाकाल पूर्ण कर चुके वन रक्षकों को वरिष्ठ वन रक्षकों के पद से नवाजा गया। सर्कल स्तरीय पाइपिंग सेरेमनी का आयोजन नाहन वृत के राजगढ़ वन मण्डल में किया गया। जिसके मुख्य अतिथि प्रधान मुख्य अरण्यपाल (वन प्रबंधन) विशेष तौर पर वीडियो कॉन्फरेंस के माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े रहे। कार्यक्रम की अतिथि अरण्यपाल नाहन सरिता कुमारी व उप-अरण्यपाल राजगढ़ मोहम्मद याकूब , उप-अरण्यपाल पावटा साहिब कुनाल अंगरिश, उप-अरण्यपाल नाहन वन मण्डल सौरभ जाखड़ द्वारा एक एक सितारा लगाकर वन रक्षकों को सम्मानित किया गया। नाहन सर्कल में 56 वन रक्षकों को वरिष्ठ वन रक्षकों के पद से समानित किया गया। कार्यक्रम में सालेश शर्मा (अधीक्षक), विनोद रांटा (आरओ नारग), महेंद्र सिंह ठाकुर(आरओ सराहा),जालम सिंह ( आरओ राजगढ़) व प्रधान फारेस्ट वेलफेयर एसोसिएशन नाहन सर्कल सुरेंद्र शर्मा विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
नवगठित ग्राम पंचायत बरायली के निवासियों ने अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन का सिंचाई की व्यवस्था हेतु पाइप लाइन बिछाने के लिए धन्यवाद किया है। बरायली ग्राम की सुधार सभा ने एक मीटिंग का आयोजन कर अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन का इस गांव की लगभग 30 बीघा जमीन की सिंचाई करने हेतु जो पाइप लाइन बिछाई गई उसके लिए धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। बैठक में उपस्थित देस राज,रूपलाल,बसंत लाल,प्रेमलाल,जय सिंह,रामचंद्र,कमला देवी तथा अन्य लोगों ने अंबुजा फाउंडेशन के अधिकारियों का धन्यवाद किया है जिन्होंने उनकी मांग पर इस कार्य को पूर्ण करके गांव की सुविधा हेतु समर्पित किया। इसकी जानकारी देते हुए देशराज ने बताया कि इस योजना में लगभग 1000 फुट लंबी पाइप नुमा कूहल का निर्माण किया गया है जिससे गांव के किसानों की लगभग 30 बीघा जमीन की सिंचाई हो सकेगी। इस प्रकार बरायली गांव वासी सब्जियां तथा नकदी फसलें उगाने में सक्षम होंगे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विश्व का सबसे बड़ा संगठन है। इसकी कार्यपद्धति भी अनूठी है। यह संगठन हिंदू धर्म, हिंदू संस्कृति और हिंदू समाज के लिए समर्पित है। संगठन की पहचान इसकी शाखा है। शाखा प्रतिदिन लगती है। सभी स्वयंसेवक नित्य शाखा आते हैं। संघ का उद्देश्य है शाखा को आदर्श और गुणवत्तार्पूण बनाना। उक्त बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त कटुब प्रबोधन प्रमुख धर्मपाल ने कही। वे सरस्वती विद्या मंदिर दाड़लाघाट के खेल मैदान में विजयादशी उत्सव व आरएसएस स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी लोग नित्य शाखा जाएं। शाखा में होने वाले छोटे-छोटे कार्यक्रमों के माध्यम से ही कार्यकर्ता का निर्माण होता है और यही कार्यकर्ता देश को सही दिशा और दशा देते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि प्रतिदिन एक घंटा का समय आरएसएस को दें, तो देश विश्वगुरु बन जाएगा। इस दिशा में हम काफी तेजी से आगे बढ़ रहे है। इससे पूर्व विजयादशमी एवं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दाड़लाघाट जिला के सरस्वती विद्या मंदिर में पथ संचलन एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पाठशाला के खेल प्रांगण से दाड़लाघाट बाजार से होते हुए आईटीआई तक पूर्ण गणवेश के साथ कदम से कदम मिलाकर स्वयंसेवकों ने पथ संचलन करते हुऐ समाज मे राष्ट्रीय एकता का सन्देश दिया। संचलन में शामिल होने के लिये स्वयंसेवक दूर-दराज के इलाकों से सुबह ही दाड़लाघाट नगर पहुंच गए। सभी स्वयंसेवकों ने इस वार्षिकोत्सव को बहुत ही हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस दौरान अम्बुजा चौक दाड़लाघाट पर स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा की गई। कार्यक्रम में दाड़लाघाट नगर व कराडाघाट नगर के 70 स्वयंसेवक आए हुए थे। पथ संचलन के दौरान कोविड-19 का भी पालन भी किया गया। इस मौके पर प्रान्त कटुब प्रबोधन प्रमुख धर्मपाल, कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेश भारद्वाज, नगर कार्यवाह राजेन्द्र कपिल, खण्ड कार्यवाह हरीश, नगर संघ चालक राम चन्द्र, प्रचारक टीकम राम, पंकज गुप्ता, सनी, संजय, प्रदीप सहित काफी संख्या में दाड़लाघाट व कराडाघाट नगर के स्वयंसेवक मौजूद रहे।
सुजानपुर की ग्राम पंचायत बीड़ बगेहड़ा के पुआड़ में पहुंचे राजेंद्र राणा ने महिला मंडलों को सम्मानित किया। इस सम्मान व सहयोग में ग्राम पंचायत बीड़ बगेहड़ा के पुआड़ महिला मंडल के साथ ग्राम पंचायत डेरा के टिक्कर में दो महिला मंडलों को 12-12 हजार रुपए व टेंट देकर सम्मानित किया। इसी बीच राणा ने जनसमस्याओं को सुना। बीड़ बगेहड़ा में सराय भवन के निर्माण के लिए दो लाख रुपए की घोषणा की। टिक्कर में सुरक्षा दीवार लगाने के लिए 75 हज़ार रुपये की घोषणा की 15 अक्तूबर शुक्रवार शाम को राजेंद्र राणा ने सुजानपुर के ऐतिहासिक दशहरे में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। राणा ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई का प्रतीक है। झूठ व फरेब पर सच्चाई का प्रतीक है लेकिन मौजूदा दौर में दुर्भाग्य यह है कि राजतंत्र ही झूठ को बढ़ावा दे रहा है। राणा ने कहा कि बेरोजगारी के कारण जीना दुश्वार है। महंगाई की मार से गरीब के पेट पर लगातार लात पड़ रही है लेकिन सरकार कह रही है कि सब ठीक है। सरकार महंगाई का मीठा और कड़वा जहर रोज जनता को दे रही है।
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शुक्रवार को जिला प्रशासन किन्नौर को शत-प्रतिशत कोविड वैक्सीनेशन का लक्ष्य पूर्ण करने पर बधाई दी। उन्होंने उपायुक्त तथा उनकी टीम द्वारा शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए किए गए प्रयासों की भी सराहना की। राज्यपाल ने उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक को शुक्रवार दूरभाष पर जिला द्वारा कोविड के दोनों टीके लगाने का लक्ष्य पूर्ण करने पर जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग को बधाई दी। राज्यपाल ने किन्नौर जिला वासियों तथा पंचायती राज संस्थाओं से जुड़े जन-प्रतिनिधियों को भी बधाई दी जिन्होंने लोगों को कोविड वैक्सीन के दोनों टीके लगाने के लिए जागरूक किया तथा इसी बदौलत आज किन्नौर जिला कोविड वैक्सीनेशन के दोनों टीके लगाने का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर देश का ऐसा प्रथम जिला बन गया है। राज्यपाल ने कहा कि लोगों की जागरूकता और कोरोना मुक्ति के संकल्प के चलते ही किन्नौर जिले को देश का नम्बर एक जिला बनने का अवसर प्राप्त हुआ है।
विजयदशमी पथ संचलन कार्यक्रम उद्बोधन में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शिमला के विभाग कार्यवाह अशोक कपिल ने डॉ हेडगेवार के राष्ट्र चिंतन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जिस प्रकार विवेकानंद को रामकृष्ण परमहंस से मिलने के बाद ही ईश्वर की अनुभूति हुई उसी प्रकार डॉ हेडगेवार कहते थे कि शाखा में ही प्रत्येक स्वयंसेवक को राष्ट्र की परिकल्पना से गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि देश में कुछ लोग कहते हैं कि भारत को जल्द से जल्द हिन्दु राष्ट्र घोषित किया जाना चाहिए। लेकिन राष्ट्र किसी भी देश की सांस्कृतिक अनुभूति है यह घोषणा का विषय नहीं है। भारत पूर्वकाल से ही हिन्दु राष्ट्र रहा है और रहेगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने विजयदशमी के अपने स्थापना दिवस पर राजधानी में अनेक स्थानों पर नगरशः पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामकृष्ण मिशन शिमला इकाई के सचिव तन्मयानंद उपस्थित रहे। शिमला में पथ संचलन गंज बाजार से लोअर बाजार होते हुए जिलाधीश कार्यालय पहुंचा। वहां से शेरे ए पंजाब होकर वापिस गंज बाजार में इसका समापन हुआ । कदमताल करते स्वयंसेवकों पर अनेक स्थानों पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा भी की। शिमला में पथ संचलन से पूर्व शस्त्र पूजन का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता ने डॉ0 हेडगेवार के तीन सूत्रों के बारे में विस्तार से बताया जोकि राष्ट्र की अनुभूति के लिए नितांत आवश्यक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिमला जिला के संघचालक अजयसूद ने की। पथ संचलन में 200 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया। राजधानी में नगरशः केशवनगर, माधवनगर, न्याशिमला नगर, कमलानगर, संजौली नगर और तिलकनगर इन नगरों पर पथ संचलन किया।
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि मंडी लोकसभा उपचुनाव के दृष्टिगत निर्वाचन आयोग ने 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ मतदाताओं के साथ-साथ दिव्यांगजनों एवं कोविड 19 पॉजिटिव मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध करवाई है। इसके लिए जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित 1373 पात्र मतदाताओं के लिए 16 अक्तूबर से लेकर 19 अक्तूबर तक घर-घर जाकर पोस्टल बैलेट मतदान को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए 6 टीमों का गठन कर लिया गया है। एसडीएम ने शुक्रवार को पोस्टल बैलेट मतदान को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होने बताया कि जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित पोस्टल बैलेट को लेकर 1373 पात्र मतदाताओं ने फार्म 12 डी भरकर सहायक निर्वाचन अधिकारी को संबंधित बीएलओ के माध्यम से उपलब्ध करवाए हैं। अब इन सभी पात्र मतदाताओं के लिए 16 अक्तूबर से घर-घर जाकर पोस्टल बैलेट मतदान की प्रक्रिया शुरू की जा रही है जो आगामी 19 अक्तूबर तक जारी रहेगी। इस बीच किसी कारणवश छूटे हुए मतदाताओं की पोस्टल बैलेट मतदान प्रक्रिया को 20, 21 व 22 अक्तूबर को पूरा किया जाएगा। साथ ही बताया कि जिन मतदाताओं को पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध हो गई है अब ऐसे मतदाता सामान्य तौर पर मतदान केंद्र में जाकर मतदान नहीं कर सकेंगे। उन्होने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पोस्टल बैलेट मतदान के दौरान अपने-अपने पोलिंग एजेंट तैनात करने को कहा ताकि इस प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा किया जा सके। साथ ही निर्धारित शेड्यूल को भी संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा कर लिया गया है जिसके तहत संबंधित पोलिंग टीमें पोस्टल बैलेट मतदान की प्रक्रिया को पूर्ण करवांएगी। उन्होने बताया कि इस दौरान पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी के साथ-साथ माइक्रो ऑब्जर्वर, संबंधित मतदान केंद्र के सेक्टर अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं संबंधित बीएलओ मौजूद रहेंगे। इसके अतिरिक्त पोस्टल बैलेट मतदान की तमाम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पोस्टल बैलेट मतदान प्रक्रिया को निर्धारित शेड्यूल के तहत पूर्ण करवाने के लिए अपना संपूर्ण सहयोग प्रदान करने का आहवान किया है। साथ ही इस बारे संबंधित मतदाताओं को भी समयबद्ध अवगत करवाने पर बल दिया। उन्होने सभी पात्र मतदाताओं से अपने-अपने पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करने का भी विशेष आग्रह किया है ताकि पोस्टल बैलेट मतदान में ज्यादा से ज्यादा पात्र मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस दल की ओर से रमण बहल, भाजपा की ओर से विनय कुमार व सुदेश ने भाग लिया। इस मौके पर कानूनगो निर्वाचन तेज सिंह ठाकुर, कनिष्ठ सहायक मोहन सिंह भी उपस्थित रहे।
सर्वोदय कल्याण समिति थिल के द्वारा 15 अक्टूबर विजयदशमी माहोत्सव का शुभारम्भ खुन्डिया थाना प्रभारी प्यार चन्द ने 10 किलोमीटर मेराथन के आयोजन के साथ किया। इसमें लगभग 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। समीपवर्ती क्षेत्र खुंडिया, थिल, बारी, पुड्वा धीरा और थुरल पंचायत से तमाम लोग कार्यक्रम में पहुंचे। थिल अकादमी के प्रवीण कुमार व खुन्डिया ईएसएम अकादमी के सयोंजक कर्नल मोहिंदर सिंह राणा और इलाके के लगभग 300 लोग उपस्थित रहे।
हरिपुर एनएसयूआई की बैठक गुरुवार को एनएसयूआई अध्यक्ष मोहित की अध्यक्षता में की गई। इसमें एनएसयूआई की कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें उपाध्यक्ष अभिषेक, अतुल, साक्षी व मनप्रीत को सचिव चुना गया। इसके अलावा महाविद्यालय में लड़कियों की हेड शिवानी को बनाया है । इसके उपरांत सभी कक्षाओं के सीआर हेड भी बनाए गए, बीएससी फर्स्ट ईयर में ऋतिक, बीएससी सेकंड में सौरव ,बीएससी थर्ड में सारांश बीकॉम फर्स्ट में श्रुति, बीकॉम सेकंड में प्रियंका,बीकॉम थर्ड में दीक्षा,बीए फर्स्ट में पूनम, बीए सेकंड में निखिल, बीए थर्ड में अनमोल को क्लास हैड सीआर बनाया गया ।
नाहन: जिला सिरमौर के त्रिलोकुपुर में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बालासुन्दरी मन्दिर में चल रहे आश्विन नवरात्र पर्व के नौवें दिन लगभग 3 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आर्शीवाद प्राप्त किया। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त सिरमौर एवं आयुक्त त्रिलोकपुर मन्दिर न्यास राम कुमार गौतम ने बताया कि नौवें दिन माता को लगभग 6 लाख 12 हजार 435 रूपये नगद राशि और 1 किलो 230 ग्राम चांदी चढ़ावे के रूप में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन द्वारा जारी कोरोना सम्बन्धी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए माता के दर्शन किए।
उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा सिरमौर जिला के हरिपुर टोहाना व फूड काॅर्पोरेशन ऑफ इंडिया गोदाम कालाअम्ब में धान की फसल विक्रय के लिए मंडी के रूप में अधिसूचित किया गया है। जिसके लिए जिला के किसान खरीद पोर्टल www.hpappp.nic.in पर पंजीकरण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर में अभी तक कुल 2420 किसानों ने खरीद पोर्टल पर पंजीकरण कर लिया है। उन्होंने जिला के किसानों से अपील की है कि वह धान विक्रय के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करते समय सम्बन्धित पटवारी तथा कृषि विकास अधिकारी से सम्पर्क करें ताकि ऑनलाइन पंजीकरण में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि सिरमौर जिला के हरिपुर टोहाना व फूड काॅर्पोरेशन ऑफ इंडिया गोदाम कालाअम्ब में 15 अक्तूबर से धान की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएगी। उन्होंने बताया कि धान खरीद के लिए मंडियां क्रियाशील हो चुकी है।
उपमंडल ज्वालामुखी के अंतर्गत पड़ता गांव छिंकर डाकघर मझीन तहसील खुंडिया में एक 40 वर्षीय व्यक्ति द्वारा जहर निगलने का मामला आया सामने आया है। जिसमें व्यक्ति की मौत होने की जानकारी प्रकाश में आई है। बताया जा रहा है उक्त व्यक्ति ने किसी जहरीली वस्तु का सेवन किया था जिसे घरवाले उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल ज्वालामुखी ले गए जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है । मृतक की पहचान दिनेश कुमार पुत्र मान चंद गांव छिंकर के रूप में हुई है। जानकरी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति के शव को कब्जे में लिया वहीँ परिवारजन के बयान भी कलमबद्ध किये। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ज्वालामुखी चन्द्र ने बताया कि व्यक्ति ने किसी जहरीली वस्तु का सेवन किया है जिससे उसकी मौत हो गयी। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार वालो को सौंप दिया जाएगा।
सीएम जयराम ठाकुर ने वीरवार को सराज विधानसभा क्षेत्र के चौलथाच में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग बार-बार मंडी का जिक्र कर रहे हैं। मगर उन्हें मैं बताना चाहता हूं कि मंडी का मतलब मंडी संसदीय क्षेत्र है। इसमें किन्नौर से भरमौर और रामपुर भी आता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सराज विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्य भी गिनवाए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष को बताया कि मैं यहां का विधायक हूं, सीएम बाद में हूं। चुने हुए प्रतिनिधि होने के नाते यह मेरी जिम्मेदारी है कि यहां की जनता की सेवा पहले करूं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में हमने विकास कार्यों रुकने नहीं दिया। कांग्रेस वालों ने तो एक-एक लिस्ट बनाई, 12 करोड़ का बिल बनाया और पार्टी हाईकमान को भेजा और खाते में डालने को कहा। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ऐसी पार्टी है जो अपनी ही पार्टी को ठगने से बाज नहीं आ रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश और प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार रही। आज हमारे मित्र बेरोजगारी और महंगाई का आरोप लगा रहे हैं। सारी महंगाई और बेरोजगारी पिछले चार साल में नहीं आई। नौकरी देने के लिए हम जितना कर सकते हैं उसे हम कर रहे हैं। कांग्रेस की सरकार से पूछना चाहिए कि तुम लोगों ने गरीबों के लिए क्या किया। हमार सरकार ने 65 वर्ष की आयु वाली माताओं के लिए पेंशन दी। हमने गरीबों के लिए हिमकेयर योजना चलाई, जिसके तहत 1 लाख 75 हजार गरीबों का इलाज करवाया। सहारा योजना चलाई जिसमें पात्र को हर महीने 3 हजार रुपये उनके खाते में डालते हैं। बीपीएल परिवार की बेटी को शगुन योजना में पात्रों को 31 हजार दे रहे हैं।
उपमण्डल ज्वालामुखी के अंतर्गत पड़ते पुलिस थाना खुन्डियां की मझीन पुलिस चौकी के अंतर्गत स्थानीय पुलिस ने गाँव झोला में गश्त के दौरान चक्की की दुकान से 9 बोतल देसी शराब संतरा मार्का बरामद की है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ज्वालामुखी चंद्रपाल ने बताया कि पुलिस ने उक्त आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ज्वालामुखी पुलिस मामले की गहनता से तफ़्तीष कर रही है।
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन ज़फ़र इकबाल ने आज यहां कोविड-19 से बचाव के लिए द्वितीय टीकाकरण तथा आज़ादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत क्षय रोग, एड्स, रक्तदान एवं राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम के अन्तर्गत अन्य सभी गतिविधियों लिए गठित जिला कार्यबल की बैठक की अध्यक्षता की। ज़फ़र इकबाल ने कहा कि सोलन जिला में 24 नवम्बर तक कोविड-19 से बचाव के लिए द्वितीय टीकाकरण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि इस सम्बन्ध में खण्ड स्तर पर लोगों को जागरूक बनाया जाए ताकि सभी समय पर कोविड-19 से बचाव के लिए अपना टीकाकरण करवा लें। उन्होंने कहा कि खण्ड विकास अधिकारी पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से ग्राम स्तर पर लोगों को कोविड-19 टीकाकरण के लिए जागरूक बनाएं। उन्होंने कहा कि द्वितीय टीकाकरण के अन्तर्गत शत-प्रतिशत जनसंख्या को कवर करने के लिए 29 नवम्बर तक मोप अप राउन्ड भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला में 13 अक्तूबर तक कोविड-19 से बचाव के लिए 677546 लोगों को प्रथम टीका तथा 297872 को द्वितीय टीका लगाया जा चुका है। जिला में शत-प्रतिशत जनसंख्या का प्रथम टीकाकरण किया जा चुका है। 44 प्रतिशत जनसंख्या को दूसरी खुराक दी जा चुकी है। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिला में राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम के सफल कार्यान्वयन के लिए आज़ादी का अमृत महोत्व के अन्तर्गत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय कण्डाघाट, राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर, राजकीय महाविद्यालय सोलन, राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ तथा राजकीय महाविद्यालय अर्की में 31 अक्तूबर तक मास्क बनाना प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता, वेबिनार आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य युवा पीढ़ी को एड्स, क्षयरोग तथा रक्तदान इत्यादि के सम्बन्ध में जागरूक बनाना है।
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने कहा कि समय पर न्याय प्राप्त करना हर नागरिक का अधिकार है और इस दिशा में विधिक जागरूकता अत्यन्त महत्वपूर्ण है। न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान गत सांय सोलन जिला के अर्की में अखिल भारतीय जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने कहा कि हमारा संविधान सभी नागरिकों को बराबरी के अधिकार प्रदान करता है। अधिकारों की एकरूपता सुनिश्चित बनाने और समाज के सभी विशेषकर कमज़ोर वर्गों को समय पर न्याय प्रदान करने के उद्देश्य से ही न्याय प्रणाली को जनसुलभ बनाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था का उद्देश्य पीड़ित को समय पर उचित लाभ प्रदान करना है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि शिकायतकर्ता अथवा पीड़ित को अपने समीप के न्यायिक अधिकारी तक पहुंचाएं। न्याय के अनुरूप उचित परामर्श प्रदान करने के लिए केन्द्रीय स्तर पर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रदेश स्तर पर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जिला स्तर पर जिला स्तरीय विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यरत हैं। न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने कहा कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में जिला प्राधिकरण द्वारा नियमित रूप से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते हैं। वर्तमान में 02 अक्तूबर से 14 नवम्बर तक पूरे देश में अखिल भारतीय जागरूकता एवं आउटरीच अभियान कार्यान्वित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जन-जन विशेष रूप से समाज के कमजोर वर्गों को विधिक सहायता उपलब्ध करवाकर उनके चिर लम्बित कानूनी मामलों को सुलझाना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से गरीब, पिछड़े एवं कमज़ोर वर्ग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग, महिलाएं, असहाय, बच्चे, बेसहारा नाबालिक बच्चे एवं बूढ़े माता-पिता सहित मानसिक रोगी एवं दिव्यांग, विभिन्न आपदाओं, जातीय हिंसा इत्यादि के पीड़ित, औद्योगिक श्रमिक, ट्रान्सजेंडर समुदाय, ऐसे व्यक्ति जिनकी वार्षिक आय 03 लाख रुपए से कम है एवं एड्स पीड़ित व्यक्तियों को विधिक सेवा अधिनियम 1987 के अनुसार निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने हितधारकों से संवाद में आग्रह किया कि विवाद को मध्यस्थता के माध्यम से निपटाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 12 मध्यस्थता केन्द्र कार्यरत हैं। इनमें से 11 केन्द्र जिला स्तर पर एवं 01 उच्च न्यायालय में कार्य कर रहा है। न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने कहा कि निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए उच्चतम न्यायालय में विधिक सेवा समिति के सचिव, उच्च न्यायालय पर विधिक सेवा समिति के सचिव, जिला स्तर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा उपमण्डल स्तर पर नियुक्त वरिष्ठ उप न्यायाधीश से सम्पर्क किया जा सकता है। उन्होंने सभी से आगह किया कि निःसंकोच मुफ्त कानूनी सहायता का लाभ उठाएं और निर्धन को सस्ता न्याय दिलाने की दिशा में सदैव प्रयासरत रहें। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित नगर पंचायत एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं तथा अधिवक्ताओं एवं अन्य के प्रश्नों के सारगर्भित उत्तर दिए और सभी से संवाद स्थापित किया।अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के सचिव कपिल शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय अभियान के तहत गठित टीमें सोलन जिला के गांव-गांव में लोगों को कानूनी रूप से जागरूक बना रही हैं। उन्होंने कहा कि विधिक जानकारी के लिए सोलन जिला में दूरभाष नम्बर 01792-220713 पर सम्पर्क किया जा सकता है अथवा secy-dlsa-sol-hp@gov.in पर ईमेल की जा सकती है। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी टोल फ्री नम्बर 15100 से प्राप्त की जा सकती है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 केवी के तहत विद्युत लाईनों की मुरम्मत के दृष्टिगत इसके अधीन आने वाले विद्युत उपमण्डल सोलन नम्बर-1 एवं सोलन नम्बर-3 फीडर की विद्युत आपूर्ति 16 अक्तूबर को बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के वरिष्ठ अधिशाषी अभियन्ता विकास गुप्ता ने दी। विकास गुप्ता ने कहा कि इसके दृष्टिगत 16 अक्तूबर को प्रातः 09.30 बजे से प्रातः 10.30 बजे तक अप्पर बाजार, मालरोड, पीडब्लयूडी काॅलोनी, मोहन पार्क, पुराना उपायुक्त कार्यालय, विवांता माॅल, न्यायालय परिसर, कलीन, सनी साईड, जौणाजी मार्ग, राजगढ़ मार्ग, शक्ति नगर, एमईएस एरिया, चैक बाजार, सर्कुलर रोड तथा इसके आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
युवा विकास सोसायटी द्वारा संचालित मां ज्वाला स्किल सेंटर द्वारा ज्वालामुखी विस की मझीन पंचायत में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना द्वारा चलाये जा रहे कोविड-19 बेसिक केयर सपोर्ट कोर्स के बारे में पंचायत प्रतिनिधियों व प्रधान प्रेमलता, उपप्रधान जसवीर राणा तथा सभी वार्ड मेंबरों को योजना की जानकारी दी गई। सेंटर संचालक नवरत्न गुप्ता ने बताया कि यह कोर्स सरकार द्वारा निशुल्क करवाए जा रहे हैं। जिसमें 1 महीने का प्रशिक्षण मां ज्वाला स्किल सेंटर ज्वालामुखी में करवाया जा रहा है तथा इनकी ऑन जॉब ट्रेनिंग जिला कांगड़ा के गवर्नमेंट में प्राइवेट हॉस्पिटल में 3 महीनों के लिए सरकार द्वारा निशुल्क करवाई जा रही है। सरकार द्वारा इन्हें 125 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 3 महीने तक दिए जाएंगे। इस मौके पर संस्थान के प्रशिक्षु तथा ऑन जॉब ट्रेनिंग पर कार्य कर रहे छात्रों ने भी पंचायत को इस योजना की जानकारी दी। इस मौके पर पंचायत सेक्रेटरी उदय सिंह, अतुल, पलक, मोनिका, रोहित, अनिता भी मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने शिमला में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि ये बहुत शर्म की बात है कि कुछ दिनों पहले कांग्रेस पार्टी ने उस शख्स को अपनी पार्टी में शामिल किया, जो देश के टुकड़े टुकड़े ' करने वालों का समथर्न करता है। कांग्रेस में ऐसे लोग शामिल है, जो अफजल गुरु जैसे आतंकी की बरसी मनाते हैं और देश के खिलाफ वरोधी नारे लगाते हैं। शायद देश के विरोधियों को शह देना कांग्रेस पार्टी की आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्टार प्रचारक लिस्ट से स्थानीय नेता गायब है, पर भाजपा को अपने स्तर प्रचारकों पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह देशभक्त थे, हमें यकीन है कि वो आज होते तो कन्हैया कुमार जैसे शख्स को हिमाचल की धरती पर पांव नहीं रखने देते। प्रतिभा सिंह दो बार सांसद रही हैं, आज बड़ी - बड़ी बातें कर रही हैं मगर सांसद थीं तो अपनी सांसद निधि तक खर्च नहीं कर पाईं। अगर प्रितभा सिंह ने बतौर सांसद काम किया होता तो 2014 में उनकी इतनी करारी हार ना होती। उन्होंने कहा प्रतिभा सिंह सबसे पहले अपने बयान के लिए माफी मांगें, इसके बाद प्रतिभा सिंह बताएं कि उन्होंने सांसद रहते हुए मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए क्या काम किया ? कांग्रेस ने पूर्व सैनिकों का ही नहीं, हिमाचल के शहीदों, उनके परिवारों और यहां की जनता का भी अपमान किया है। इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए ।
डीएवी आलमपुर के विद्यार्थियों द्वारा डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बुराई पर अच्छाई का प्रतीक त्योहार दशहरा उत्साह पूर्वक मनाया गया l कक्षा एल.के.जी से लेकर 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया व अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन करते हुए, विभिन्न गतिविधियों जैसे भाषण प्रतियोगिता, कविता-वाचन, नृत्य-प्रतियोगिता, रंगोली तथा पोस्टर व कार्ड मेकिंग, संवाद-वाचन आदि गतिविधियों द्वारा देश की सांस्कृतिक कला का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने रामायण के विभिन्न पात्रों जैसे भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण व रावण इत्यादि का भेस अवतरित करते हुए लघु-नाटिकाएँ प्रस्तुत कीं। उनके आदर्श जीवन- मूल्यों को छोटे- छोटे प्रसंगों द्वारा प्रस्तुत किया l विद्यालय के प्रधानाचार्य बिक्रम सिंह ने छात्रों व उनके अभिभावकों को दशहरे की शुभकामनाएँ दीं l साथ ही उन्होंने छात्रों को भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया l प्रधानाचार्य ने सभी छात्रों के स्वस्थ व उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा एक मर्यादित जीवन व्यतीत करने का सन्देश दिया l
किन्नौर: निर्वाचन आयोग द्वारा रिश्वत देने या लेने वालों पर नजर रखने के लिए तैनात किए गए उड्न्त दस्ते
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने जारी बयान में जिला प्रशासन की जनता को जागरूक करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अपने पक्ष में मतदान करने के लिए मतदातओं को नगदी, वस्तु के रूप में कोई परितोषण देता या लेेता है तो यह दण्डनीय अपराध है तथा ऐसे व्यक्ति को भारतीय दण्ड संहिता की धारा 171-ख के तहत एक वर्ष तक का कारावास व जुर्माना या दोनों सजा हो सकती है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार यदि कोई व्यक्ति किसी अभ्यर्थी, निर्वाचक या किसी अन्य व्यक्ति को किसी भी प्रकार की चोट पहुंचाने की धमकी देता है तो वह भी एक वर्ष तक के कारावास या जुर्माना या दोनों सजा से दण्डनीय होगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा रिश्वत देने या लेने वालों पर नजर रखने के लिए उड्न्त दस्ते तैनात किए गए हैं जो ऐसे लोगों पर कड़ाई से नजर रख रहे हैं। उन्होंने सभी दलों के अभ्यर्थियों व चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों से भी अपील की है कि वे भ्रष्ट आचरण से बचें। उन्होंने सभी मतदाताओं व नागरिकों से आग्रह किया है कि वे किसी भी प्रकार की रिश्वत लेने से परहेज करें और यदि कोई व्यक्ति उन्हें रिश्वत की पेशकश करता है या निर्वाचकों को डराने धमकाने के मामलों की कोई जानकारी हो तो वे निर्वाचन विभाग द्वारा बनाए गए प्रकोष्ठ में दूरभाष नम्बर 01786-222499 या टोल-फ्री नंबर 18001808118 पर सूचित व शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को चुनाव के दौरान अधिक मात्रा में किसी भी सभा क्षेत्र में नगदी ले जाने की जरूरूत पड़ती है तो वे उसकी प्राप्ति का स्त्रोत व अंतिम उपयोग बारे निम्न साक्ष्य, जिनमें बैंक पासबुक/बैंक तालीका जिसमें निकासी का विवरण हो, व्यवसाय जिसमें रोजाना नगदी का आहरण किया जाता हो की रोकड़ बही की प्रतिलिपि या नगदी के अंतिम प्रयोग बारे साक्ष्य जैसे विवाह निमंत्रण पत्र, अस्पताल में दाखिले के लिए राशि के साक्ष्य अपने साथ अवश्य रखें अन्यथा उक्त नगदी उड्न्त दस्ते द्वारा जब्त की जा सकती है।
गुरुवार को परागपुर विश्राम गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में बात करते हुए भाजपा युवा मोर्चा संगठनात्मक जिला देहरा के अध्यक्ष मुकेश सोनी ने जसवां-परागपुर कांग्रेस द्वारा मंत्री बिक्रम ठाकुर पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि हाल ही में उद्योग मंत्री को फतेहपुर का प्रभारी बनाए जाने पर कांग्रेस द्वारा उद्योग मंत्री पर टिप्पणी की थी। जिसकी वह घोर निंदा करते हैं। उन्होंने कहा उद्योग मंत्री की बढ़ती लोकप्रियता से कांग्रेस नेता को 2022 के लिए घबराहट हो रही है।
स्थानीय प्रशासन की तरफ से ज्वालामुखी के उपमण्डल अधिकारी धनवीर ठाकुर ने स्थानीय दुकानदारों और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्वच्छता अभियान के तहत स्थानीय दुकानदार को स्वच्छता अवार्ड देकर सम्मानित किया। स्थानीय दुकानदार ऋषि राज ठाकुर ने बताया कि वे सोडा लेमन तथा चाय पान की दुकान करते हैं और वे दुकान और घर में भी हमेशा साफ सफाई का विशेष ध्यान रखते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत जब स्थानीय प्रशासन ने उनकी दुकान का निरीक्षण किया तो दुकान के अन्दर तथा बाहर की स्वच्छता को देखकर एसडीएम धनवीर ठाकुर ने उन्हें स्वच्छता अवार्ड से सम्मानित किया। स्वच्छता अवार्ड पाकर वे बहुत खुश हैं। इसके लिए उन्होंने स्थानीय प्रशासन का धन्यवाद किया है।
डाक विभाग उपमंडल देहरा द्वारा डीएवी स्कूल बनखंडी में हिमाचल प्रदेश परिमंडल स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित कि गई। इस प्रतियोगीता में डीएवी स्कूल के हर्षित कौंडल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। उसे डाक विभाग द्वारा 5,000 नगद राशि और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। इसकी जानकारी प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा द्वारा दी गई, उन्होंने बताया कि यह हमारे विद्यालय और पूरे हिमाचल के लिए गौरव की बात है। हर्षित की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य ने हर्षित कौंडल को बधाई दी और साथ ही अन्य बच्चों को भी हर प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
भारत के सबसे बडे पत्रकार संगठन नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्टस (इंडिया) का स्वर्ण जयंती समारोह 16 नवंबर को मैहतपुर (ऊना) आयोजित किया जायेगा। समारोह में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी बतौर विशिष्ठ अतिथी शिरकत करेंगे। यह जानकारी यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि समारोह में पूरे प्रदेश के तीन सौ से ज्यादा पत्रकार सदस्य भाग लेंगे और संगठन की पूर्व परिपाटी की तरह इस बार भी एनयूजी इंडिया हिमाचल के पत्रकारों को विभिन्न श्रेणियों के लिए हिमाचल गौरव पत्रकार अवार्ड देने का निर्णय लिया गया है। संगठन द्वारा कुल 8 श्रेणियों में वरिष्ठ संवाददाता, युवा, महिला, इलैक्ट्रानिक्स, प्रेस फोटोग्राफर, क्राईम रिपोर्टर, वैव डिजीटल मिडिया क्षेत्र के तीन-तीन पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा अन्य राज्यों में बेहतर कार्य कर रहे हिमाचल के पत्रकारो में से तीन संवाददाताओं को हिमाचल गौरव अवार्ड पुरुस्कार से नवाजा जाएगा। प्रदेश मीडीया प्रभारी श्याम लाल पुंडीर ने बताया कि पत्रकार अवार्ड चयन कमेटी के लिए सिरमौर के पत्रकार एवं प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल दत्त शर्मा को संयोजक व चंबा के विशाल आनंद को सह संयोजक बनाया गया है।
राजकीय महाविद्यालय में इंदौरा कि महिला आयोग की अध्यक्षा प्रो रेखा पठानिया के द्वारा भाषण दिया गया। उन्होंने कहा कि भारत में लैंगिक समानता को विस्तृत करने के लिए शिक्षा, संस्कृति की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्राचीन समाज पुरूष प्रधान समाज था जिसमें स्त्री और पुरुषों में भेदभाव किया जाता था। महिला वर्ग घर की दहलीज को पार नहीं कर सकती थी। पंरतु आज कल शिक्षा के माध्यम से महिलाये इतनी जागरुक है कि वह पुरुष के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करती है। भ्रूण हत्या, तलाक, यौन शिक्षा, बाल विवाह और दहेज प्रथा का पूर्ण उन्मूलन किया गया है। समानता का अधिकार प्राप्त है। 50% महिलाओं को आरक्षण दिया गया हैं। स्कूलों, महाविद्यालयों में भाषण प्रतियोगिताएं, सेमिनार इत्यादि रखे जाते है ताकि भेदभाव को पूर्ण रूप से मिटाया जाए। अब तृतीय लिंग को भी समानता दी गई है। हम सब को मिल कर दृढ़संकल्प लेना चाहिए कि लैंगिक असमानता को दूर करने के लिए भारत का प्रत्येक व्यक्ति यथा संभव प्रयास करे, और संपूर्ण भारत उन्नति की ओर अग्रसर हो।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते नेहरन पुखर में 14 अक्टूबर यानी गुरुवार को "हिमालयन राइडर " नामक शोरूम का डिप्टी कमांडेंट बीएसएफ मुकेश कुमार ने रिबन काटकर विधिवत ढंग से उद्घाटन किया। इस उद्घाटन समारोह पर डिप्टी कमांडेंट बीएसएफ मुकेश कुमार, निशांत राजपुत सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। नेहरन पुखर पेट्रोल पंप के समीप खुले इस नए शोरूम में अंतरराष्ट्रीय ब्रांडेड कम्पनी जावा की बाइक उपलब्ध है। वही इस उद्घाटन समारोह मे शौरुम मे मालिक निशांत ठाकुर ने बताया कि यहां क्षेत्र में बाइक का शोरूम खुलना ग्राहकों के लिए फायदे की बात है। इलाके भर के ग्रामीणों को ऐसे उच्च स्तर कम्पनी एवम मॉडल की बाइक की खरीददारी करने हेतु दूर दराज के इलाको में जाना पडता था। शोरूम उद्घाटन के पहले दिन ही यहां बाइक की जानकारी प्राप्त करने के लिए ग्राहको की भारी भीड देखी गई।
नवमी के शुभ अवसर पर आम आदमी पार्टी ने 'हिमाचल में भी केजरीवाल' जंत्री कैलेंडर जारी किया है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ मंत्री सत्येंद्र जैन ने प्रदेश प्रभारी रत्नेश गुप्ता की मौजूदगी में इसको जारी किया। इस कैलेंडर में केजरीवाल सरकार द्वारा किये गए कामों का जिक्र किया गया है। इन कैलेंडर्स को पार्टी कार्यकर्ता घर तक पहुचाएंगे। साथ ही इन्हें दुकानों, बस अड्डो, रेल स्टेशन, मंदिर और पार्क जैसी जगहों पर मुफ्त में जनता को दिया जाएगा। इस कवायद पर बात करते हुए प्रदेश प्रभारी रत्नेश गुप्ता ने कहा कि इस कैलेंडर को माता के आशीर्वाद स्वरूप लोगो मे वितरित किया जाएगा। इस का मकसद जन जन तक केजरीवाल सरकार के कामो को पहुंचाने का है। जनता को बताने का प्रयास है कि जो काम दिल्ली सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ, सड़क, बिजली, पानी पर किया है, वही काम हिमाचल की जनता को करके देंगी। सूबे की जनता का आशीर्वाद मिलने के बाद दिल्ली की तर्ज पर हिमाचल में भी इन सभी क्षेत्रों में काम किया जाएगा। दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन ने इस मौके पर बात करते हुए कहा कि हिमाचल दो दलों की आपसी बंदरबांट वाली राजनीति का शिकार है। आम आदमी पार्टी हिमाचल को और प्रदेश के हर नागरिक को उसका हक दिलाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने प्रदेश की जनता को नवमी की शुभकामनाएं भी दी।
फतेहपुर मे उपचुनाव की घोषणा होते ही जिला प्रशासन पूर्ण रूप से सतर्क हो चुका है। इसी के तहत जिला भर में आचार सहिंता लगते ही प्रत्येक पुलिस थाना में लाईंसेंसी हथियार जमा करने के भी सख्त दिशा निर्देश जारी हो चुके थे। डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने सख्त फरमान जारी करते हुए कहा है कि यहां क्षेत्रभर के तमाम बन्दूक धारी अपनी लाईंसेंसी बन्दूके व अन्य हथियार अगामी एक हफ्ते के भीतर पुलिस थाना देहरा कार्यालय मे जमा करवाएं। वरना चेकिंग के दौरान जिस किसी उपभोक्ता के पास से भी हथियार बरामद हुआ तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
भारतीय डाक विभाग द्वारा 9 से 16 अक्तूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को देहरा डाक मण्डल द्वारा डीएवी स्कूल वनखंडी में फिलैटली दिवस के अवसर पर फिलैटली संबन्धित कई गतिविधियाँ की गयी। इस फिलैटली दिवस पर डीएवी स्कूल वनखंडी में विद्यार्थियों द्वारा बढ़-चढ़ कर भाग लिया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत सहायक अधीक्षक देहरा मण्डल सनी भारद्वाज, निरीक्षक देहरा उपमण्डल राजेश धीमान तथा प्रधानाचार्य डीएवी स्कूल वनखंडी सुभाष शर्मा द्वारा दीप ज्योति प्रज्वलित कर की गयी। इस दौरान विद्यार्थियों को डाक टिकट संग्रह व फिलैटली के बारे में विस्तार में बताया गया तथा साथ में विभिन्न डाक टिकटों का प्रदर्शन भी किया गया। मौके पर सहायक अधीक्षक देहरा मण्डल द्वारा विद्यार्थियों को समझाया गया कि डाक संग्रह किस प्रकार इतिहासिक घटनाओं के संग्रह के साथ-साथ ज्ञानवर्धक भी होता है, जोकि विद्यार्थियों हेतु लाभदायक है।
पुलिस चौकी डाडा सीबा में बुुुधवार को बतौर इंचार्ज राजेश द्विवेदी ने अपना कार्यभार संभालते ही मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि यहां इलाके भर में क्राइम पर अकुंश लगाना और नशे के सौदागरों पर नकेल कसना मेरी हमेशा प्रथमिकता रहेगी। चौकी इंचार्ज राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि स्थानिय ग्रामीण यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों व नशा बेचने वालों के खिलाफ खुल कर सामने आएं और उनकी शिकायत जिला पुलिस की यातायात हेल्प लाइन पर दें। ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर नकेल कसी जा सके। साथ ही उन्होंने इस दौरान डाडा सीबा वासियों संग आस पास के क्षेत्रों के लोगो से यह भी अपील की है कि करोना संकटकाल मे बिना वजह बाहर न घूमे और अगर कोई सड़क दुर्घटना का शिकार होता है तो उसकी तुरन्त सहायता करें तथा घायल को बिना किसी डर के नजदीक के अस्पताल पहुंचाने का काम करे। उन्होंने कहा की घायल को अस्पताल पंहुचाने वाले पर कोई कानूनी कार्रवाई अमल में नहीं लाई जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर नशे के सौदागरों के खिलाफ कोई भी सूचना लोगो को मिलती है तो इसकी जानकारी भी पुलिस के साथ साँझा करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
जयसिंहपुर उपमंडल के तहत शनिवार को ब्यास नदी में बहे हलेड़ निवासी कर्मचंद का शव बुधवार को बरामद हुआ है। ब्यास नदी के साथ हरोटी खड्ड में लगे क्रशर के समीप जब एनडीआरएफ व पुलिस की संयुक्त टीम गश्त कर रही थी, उस समय पर कर्मचंद का शव एक जगह फंसा हुआ मिला। सोमवार को एनडीआरएफ की टीम ने सर्च आपरेशन शुरू किया था। लेकिन कोई भी सफलता नहीं मिल रही थी। बुधवार दोपहर डेढ़ बजे के करीब एनडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने शव बरामद कर लिया। वही पुलिस थाना लंबागांव के थाना प्रभारी केसर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल हॉस्पिटल पालमपुर भेज दिया गया है। जिसे बाद में परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
जय दूर्गा संकीर्तन मंडली राजगढ द्वारा सतानत धर्म मंदिर परिसर में 37वे जागरण व विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन का शुभारभ ज्वालामुखी से आई माता की पवित्र ज्योत के स्वागत के साथ किया गया। माता की ज्योत का स्वागत क्षेत्र के प्रसिद्ध आराध्य देव शिरगुल महाराज के मंदिर के समीप किया गया। उसके बाद मां की पवित्र ज्योत को झाकियों के साथ सनातन मंदिर परिसर तक ले जाया जाएगा और मंदिर परिसर मे रात्रि को जागरण का आयोजन किया गया। बुधवार सुबह कन्या पूजन व हवन यज्ञ के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमे हजारो भक्त भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर रहे है ।
राजगढ़ विकास खंड की ग्राम पंचायत छोगटाली के जय भवानी मां मदिर छोगटाली मे आयोजित 7 दिवसीय चंडी पाठ आज हवन यज्ञ के साथ संपन हो गया। इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ 7 अक्तूबर को घट स्थापना के साथ हुआ था और आज दंशाश हवन यज्ञ के साथ यह अनुष्ठान संपन्न हो गया। आज रात्रि को मंदिर परिसर मे जागरण का आयोजन होगा और कल यानि 14 अक्तूबर को विशाल भंडारे का आयोजन मंदिर कमेटी द्वारा किया जाएगा जिसमे हजारो भक्त प्रसाद ग्रहण करेगे।
शास्त्री के 603 पदों के चयन हेतु परीक्षार्थियों ने हिमाचल प्रदेश चयन आयोग हमीरपुर से शास्त्री पद के अंतिम परिणाम शीघ्र घोषित करने की गुहार लगाई है। इन पदों के अभ्यर्थियों का कहना है कि शास्त्री पद पोस्ट कोड 813 के 603 पद भरने के लिए जून 2020 में आवेदन लिए गए थे। जिसकी लिखित परीक्षा 20 दिसंबर 2020 को हुई थी तथा परिणाम 6 मई को निकाला गया था। उसके बाद डॉक्यूमेंटेशन के लिए छात्रों को 15 जुलाई से 5 अगस्त तक बुलाया गया। उनका आरोप है कि आज लगभग 2 महीने से भी ज्यादा समय हो चुका है लेकिन परीक्षा का अंतिम परिणाम हमीरपुर चयन आयोग द्वारा अभी तक घोषित नहीं किया गया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि इस परीक्षा के बाद जो भी परीक्षाएं हुई या जिनकी डॉक्यूमेंटेशन हुई उनमें से कई परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, लेकिन टीजीटी मेडिकल टीजीटी, नॉन मेडिकल शास्त्री भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम अभी तक घोषित नहीं किया गया है।


















































