प्रदेश में 30 अक्तुबर को 3 विधानसभा व एक लोक सभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के मध्यनजर चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है। सभी कर्मचारी अपने अपने काम मे जुट गए हैं ताकि चुनाव सही व निष्पक्ष ढंग से सम्पन हो सके। अर्की विधानसभा सीट में भी उप चुनाव हो रहा है जिसमे व्यय पर्यवेक्षक के रूप में महावीर को जिम्मेवारी दी गई है जो प्रत्याशियों के व्यय पर पूरी नजर रखेंगे। व्यय पर्यवेक्षक का कार्यालय लोकनिर्माण विभाग के विश्राम गृह में बनाया गया है। जानकारी देते हुए महावीर जी ने बताया कि विधान सभा क्षेत्र अर्की की समस्त जनता से अपील की जाती है कि किसी भी सुझाव ,शिकायत या मुलाकात हेतु 01796292715,7807731263 पर सम्पर्क करें।
शरद नवरात्रों के दौरान शनिवार को शिव भूमि स्थित पुष्प वाटिका में स्थानीय व्यवसायी स्व. कल्याण चंद सूद की स्मृति में धर्म संस्कृति सहित वनस्पति विज्ञान एवं आर्युवेद से जुड़े पीपल के पौधे की विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत स्थापना की गई। इस दौरान पंडित दिनेश शर्मा ने पूजन विधि संपन करवाई और उपस्थित श्रद्धालुओं को बताया कि जहां पीपल को भारतीय संस्कृति में महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है तथा अनेक पर्वों पर इसकी पूजा की जाती है वहीं पीपल के पेड़ में शनिदेव का वास माना जाता है। इस दौरान सुरेंद्र सूद एवं अन्य परिजनों ने पीपल के पौधे को मंत्रोच्चारण के साथ रोपित किया। इस अवसर पर स्व. कल्याण चंद सूद की धर्मपत्नी कमलेश सूद, बेटी शीतल व दामाद अमित सूद, ओम मरवाह व पत्नी दिङ्क्षवद्रा मरवाह, जे.के.गुप्ता, रोशन लाल शर्मा, सुभाष राठौर, देशराज सूद, अशोक सूद, ओमानंद शर्मा, विजय बावा, मुनीश बंटा, शेरू व बलदेव ठाकुर उपस्थित रहे।
पुलिस भर्ती के इच्छुक युवाओं व युवतियों के लिये 18 अक्टूबर को गंगथ व 19 अक्टूबर को इंदौरा में निशुल्क प्रशिक्षण देने की बात सेवानिवृत डीआईजी आईपीएस के के इन्दौरिया ने कही है। इन निशुल्क प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए उन्होंने हेल्पलाइन नम्बर 9218002207 भी जारी किया है ताकि शिविर में भाग लेने के लिये अभ्यर्थी विभिन्न प्रकार की जानकारियां हासिल कर सकें। इंदौरा में ग्राउंड का निरीक्षण करने पहुंचे सेवानिवृत डीआईजी आईपीएस के के इन्दौरिया ने बताया कि गंगथ व इंदौरा में सुवह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक ये प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे व पुलिस भर्ती के इच्छुकों को सभी आवश्यक जानकारियां देंगे व इसके लिये चंडीगढ़ के विभिन्न अग्रणीय एकेडमियों के कोचिंग केन्द्रों के प्रशिक्षक भी दोनों ही शिविरों में गेस्ट लेक्चर देंगे व स्वयं इन्दौरिया भी अपने सेवाकाल के अनुभव शेयर कर युवाओं को सफलता हासिल करने हेतु मार्गदर्शन कर जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया कि भर्ती के लिये आउट डोर व लिखित परीक्षा व साक्षात्कार आदि सभी पहलुओं के लिए अवगत करवाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रायः देखा गया है कि प्रदेश की पुलिस भर्ती में इंदौरा विस् क्षेत्र के युवा बेहतर जानकारियों के अभाव से कम भर्ती होते हैं।इन्दौरिया ने इंदौरा विस् क्षेत्र की सभी 53 पंचायतों के जन प्रतिनिधियों से भी गांवों के युवाओं को इन निशुल्क शिविरों की जानकारी देने की बात कही है व अत्यंत निर्धन परिवारों के लिये अपनी ओर से हर सम्भव सहयोग देने की बात भी कही है। सभी को शिविर में करोना के नियमों का पालन करने हेतु कहा गया है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी चंदन पंडित ने ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को मंडी संसदीय क्षेत्र से एक सशक्त उम्मीदवार बताते हुए कहा कि भाजपा ने उन्हें पार्टी प्रत्याशी बना कर स्पष्ट संदेश दे दिया है कि भारतीय जनता पार्टी परिवारवाद और रजवाड़ाशाही में विश्वास नहीं रखती है। इसलिए पार्टी ने एक आम परिवार से संबंधित व्यक्ति को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश सेवा में व्यतीत किया है। जनता की समस्याओं व ज़रूरतों को समझने वाले व्यक्तित्व पर भाजपा शीर्ष नेतृत्व, संगठन और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विश्वास व्यक्त किया है। इसलिए संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता का यह कर्तव्य बनता है कि वह इस निर्णय को सार्थक सिद्ध करे। चंदन पंडित ने कहा कि अपने शीर्ष नेतृत्व के दिशा निर्देशानुसार भारतीय जनता युवा मोर्चा पार्टी प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर की जीत सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात एक कर देगा। बूथ स्तर व ग्राम केंद्र स्तर पर युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रदेश व केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर जनता के मध्य जाएगा और पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में जनता से वोट की अपील करते हुए, यह बात भी सुनिश्चित करेगा कि इस उपचुनाव में अधिक से अधिक मतदान बूथ पर हो। चंदन पंडित ने कहा कि एक पूर्व सैनिक जिसने कारगिल व तोलोलिंग जैसी दुर्गम पहाड़ियों को युद्ध में जीतकर भारत माता के गौरव की रक्षा की है, ऐसा व्यक्तित्व आज मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता के मध्य में है जो संसद में मंडी के हितों की आवाज़ बुलंद करने का पूरा दमख़म रखता है।
कोरोना की मार के बाद बेजार बाजार के नवरात्रि से गुलजार होने की उम्मीदें हैं। सोना-चांदी सेक्टर से ग्राहकों और दुकानदारों को अच्छे संकेत मिल रहे हैं। शादियों का भी सीजन शुरू हो चूका है। ऐसे में कारोबारियों ने अच्छी खरीद की उम्मीद कि है। सोने-चांदी की कम कीमतों से भी कारोबारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद है। इसी के चलते घुमारवीं के ओम साई ज्वेलर्स अपने ग्राहकों के लिए इस नवरात्रि के सीज़न में स्पेशल औफर्स लेकर आये है। जिसमें कि जितनी सोने की खरीदारी उतनी चांदी मुफ़्त, किटी स्कीम व पुराने सोने की 100 प्रतिशत वापसी जैसे औफर्स ग्राहकों को नवरात्रि पर मिलेंगे।
स्व.वीरभद्र सिंह अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन मंडी संसदीय उप चुनाव के भंवर में कांग्रेस उनके नाम व सहानुभूति के जरिए अपनी नैया पार लगाने की तैयारी में है। इसीलिए वीरभद्र सिंह के परिवार से ही प्रतिभा सिंह को कांग्रेस ने प्रत्याशी बना कर संगठन को फिर चुनावी मैदान में लाकर खड़ा कर दिया है। जिसके चलते शुक्रवार को प्रतिभा सिंह के नामांकन में न सिर्फ मंडी जिला, बल्कि पूरे संसदीय क्षेत्र के साथ हिमाचल भर से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समर्थकों व चाहने वालों का जमावड़ा देखने को मिला। लंबे समय के बाद मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस एकजुटता भी दिखाने का प्रयास कर रही है। हालांकि शुक्रवार की रैली में न तो कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू पहुंचे और न ही पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा आए। आश्रय शर्मा ने शुक्रवार सुबह ही कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर के खिलाफ एक बयान जारी कर मोर्चा खोल दिया। बहरहाल शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह का नामाकंन भरवा कर कांग्रेस ने चुनावी हुंकार भर दी है। यही नहीं इस उप चुनाव को कांग्रेस 2022 के विस चुनावों को सेमिफाइनल मानते हुए पूरी गंभीरता से लेती दिख रही है, लेकिन कांग्रेस के अंदर की गुटबाजी एकजुटता में कहां तक बदल पाती है और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गढ़ में कांग्रेस कैसे अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा प्राप्त करेगी, यही सबसे बड़ा सवाल है।
फतेहपुर उपचुनाव के लिए अंतिम दिन दो प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। जिसमें बलदेव ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी तथा प्रेम चंद ने बतौर निर्दलीय प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी डा निपुण जिंदल ने बताया कि फतेहपुर विस क्षेत्र से सात प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। उन्होंने कहा कि नामांकन पत्रों की जांच 11 अक्तूबर को होगी जबकि नामांकन वापिस लेने की अंतिम तिथि 13 अक्तूबर है।
धर्मशाला। फतेहपुर उप चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त व्यय पर्यवेक्षक सुशांत ने निर्वाचन में व्यय निगरानी के लिए गठित विभिन्न कमेटियों के साथ मिनी सचिवालय के सभागार में आवश्यक बैठक की। इस अवसर पर व्यय पर्यवेक्षक प्रशांत ने कहा कि निष्पक्ष तथा स्वतंत्र चुनाव प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए व्यय निगरानी के लिए नियुक्त सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों को चुनाव आयोग के दिशा निर्देशानुसार कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों के चुनावी खर्च की प्रतिदिन की रिपोर्ट भी तैयार की जाए। इसके साथ ही चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों के बारे में प्रत्याशियों को भी अवगत करवाया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचनों के दौरान किसी भी प्रकार की रिश्वत लेने व देने से बचें। यदि कोई व्यक्ति रिश्वत देता है या रिश्वत दिए जाने बारे कोई जानकारी रखता है, तो वह तुरन्त इसकी शिकायत जिला कांगड़ा में स्थापित जिला स्तरीय अनुश्रवण प्रकोष्ठ में स्थापित जो चौबीस घण्टे कार्यरत है, पर निशुल्क नम्बर 1800 180 8014 पर सूचित कर सकता है।
धर्मशाला। कांगड़ा जिला में आज शुक्रवार को कोविड संक्रमण के 60 नए मामले सामने आए है और 50 कोविड संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं जबकि आज जिला में कोरोना के कारण किसी की भी मृत्यु नहीं हुई है। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने जानकारी देते हुए बताया कि कांगड़ा जिला में अब कोविड के एक्टिव केस 397 हैं। उन्होंने बताया कि सभी संक्रमित नागरिकों के उपचार के लिए उचित व्यवस्था की गई है, होम आईसोलेशन में रह रहे कोविड रोगियों को दवाइयां तथा आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के बाद भी कोविड प्रोटोकॉल की अनुपालना जरूरी है और खांसी, बुखार इत्यादि के लक्षण होने पर टेस्ट जरूर करवाएं तथा इसके लिए सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में टेस्ट की सुविधा प्रदान की गई है।
भाजपा की नामांकन रैली में भाजपा उम्मीदवार रतन पाल सिंह के साथ केंद्रीय खेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, ज़िला प्रभारी डॉ राजीव बिंदल, उपाध्यक्ष पुरषोतम गुलेरिया, मंत्री राजीव सैजल, वीरेन्द्र कंवर, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राष्मिधर सूद, आशुतोष वैद्या, विनय गुप्ता एवं विधायक परमजीत पुम्मी, केएल ठाकुर, अमर सिंह ठाकुर, डेज़ी ठाकुर, मंडल अध्यक्ष डी के उपाध्याय उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि आप सब यहां आए आप सब रतन पाल हो, आप हज़ारों की संख्या में आए इससे हमारी ताकत स्पष्ट दिखती है। उन्होंने कहा की भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कांग्रेस परिवार की पार्टी। पड़ोसी राज्य में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की भाषा अपनी ही पार्टी के लिए ठीक नहीं है, कांग्रेस की कार्यशैली ठीक नही है। अनुराग ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सरकार ने सभी प्रदेश वासियों को एम्बुलेंस दी और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने पशुओं को भी एम्बुलेंस दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश मे बिचोलिये को खत्म किए और आज सीधा जनता का पैसा खाते को आ रहा है। उन्होंने कहा की कांग्रेस का उत्तर प्रदेश में भी सफाया होने जा रहा है और कई प्रदेशों में तो कांग्रेस शून्य की ओर बढ़ रही है। हिमाचल में भी इन उपचुनावों में भाजपा भारी मतों से सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
मंडी में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के नामांकन के बाद आयोजित रैली में मंच से अपशब्द कहने को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की निंदा की है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा ने कहा कि अपशब्द कहने और अमर्यादित व्यवहार करने के लिए पहले ही प्रदेश भर में बदनाम हो चुके मुकेश अग्निहोत्री हिमाचल प्रदेश की संस्कृति और मर्यादा भूलते जा रहे हैं। वे भूल गए हैं कि यह हिमाचल प्रदेश है, देवभूमि है और यहां की स्वच्छ राजनीति की अब भी पूरे देश में मिसाल दी जाती है। उनका बयान सिर्फ कांग्रेस के लिए नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए शर्मिंदगी का विषय है। अजय राणा ने कहा कि अग्निहोत्री खुद तो खुले मंचों से गाली देते ही हैं, अब वह हिमाचल के लोगों को भी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को ‘मोटी गाली’ देने के लिए उकसा रहे हैं। वह भूल गए हैं कि राजनीति में आलोचना और निंदा का भी एक तरीका होता है। उनकी इस ओछी हरकत का जवाब हिमाचल की जनता 30 अक्तूबर को देगी और चारों सीटों पर भाजपा को विजयी बनाएगी। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने मुकेश अग्निहोत्री को मर्यादा में रहकर बयानबाजी करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं, परंतु वह अपनी पार्टी की हार सामने देख उल्टी-सीधी बातें कर रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि अतीत में खुले मंच से गाली देना, राज्यपाल के साथ धक्का-मुक्की और प्रदेश की सेवा कर रहे सुरक्षाकर्मियों के साथ बदसलूकी करना नेता प्रतिपक्ष के कारमानों में शामिल है। हमारे प्रदेश में तो ऐसा कभी होता नहीं था, वह बताएं कि कहां से ये सब सीखकर आए हैं।
भारतीय डाक विभाग द्वारा 9 से 16 अक्तूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। यह जानकारी अधीक्षक डाकघर सोलन रतन चन्द शर्मा ने आज यहां दी। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर 9 से 16 अक्तूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 9 अक्तूबर को विश्व डाक दिवस, 11 अक्तूबर को बैंकिंग दिवस, 12 अक्तूबर को डाक जीवन बीमा (पीएलआई) दिवस, 13 अक्तूबर को डाक टिकट (फिलेटली) दिवस, 14 अक्तूबर को व्यवसाय विकास दिवस और 16 अक्तूबर को मेल दिवस के रूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डाक विभाग सूचना प्रौद्योगिकी के प्रयोग से उपभोक्ताओं को विश्व स्तरीय सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सेवा में त्रुटि की शिकायत अथवा जानकारी के लिए डाक विभाग द्वारा टोल फ्री नम्बर 1800-266-6868 स्थापित किया गया है।
सोलन जिला के 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत आज दिग्गल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वीप कार्यक्रम के तहत स्वीप के नोडल अधिकारी शिव कुमार ने उपस्थित लोगों को लोकतन्त्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित बनाने की अपील की। शिव कुमार ने कहा कि स्वीप के अन्तर्गत आयोजित की जा रही गतिविधियों का उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक बनाकर मतदान की प्रतिशतता में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि लोकतन्त्र में एक-एक वोट का महत्व है। इस दिशा में युवा पीढ़ी का जागरूक होना अत्यन्त आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि लोकतन्त्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदान अवश्य करें। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में सहायक 22 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं ताकि कोविड-19 के दृष्टिगत भीड़ एकत्र न हो। इस अवसर मतदाता जागरूकता वाहन के माध्यम से कुनिहार, गम्भर पुल, मान तथा दिग्गल में लोगों को वोट के महत्व की जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि फेसबुक पेज ‘अर्की करे वोट’ https://www.facebook.com/104375465353489/posts/105820571875645/ पर स्वीप सम्बन्धी गतिविधियों के लिए विजिट एवं शेयर करें और अन्य को भी इस पेज की जानकारी दें। इस अवसर पर बूथ स्तर के अधिकारी, पंचायत सचिव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की अध्यक्षता में वायु सेना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में कार्यरत प्राध्यापक व पूर्वसैनिक अमर सिंह वर्मा ने छात्रों को जानकारी दी कि 8 अक्टूबर 1932 को भारत में वायु सेना की स्थापना की गई थी। विभिन्न युद्धों में भारतीय वायुसेना ने अपने शौर्य का शानदार प्रदर्शन किया है। आज भारत की वायु सेना विश्व की सर्वश्रेष्ठ सेना है। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश बट्टू व स्वयंसेवियों ने भी भाग लिया।
सोलन जिला के 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र से आज यानि शुक्रवार को नामांकन प्रस्तुत करने के अन्तिम दिवस पर 2 नामांकन प्रस्तुत किए गए। यह जानकारी निर्वाचन अधिकारी शहज़ाद आलम ने दी। उन्होंने कहा कि 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र से आज भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में रतन सिंह पाल, पुत्र दौलत राम निवासी गांव पपलोटा, डाकघर डूमैहर, तहसील अर्की, जिला सोलन, हि.प्र. ने 3 नामांकन प्रस्तुत किए। शहज़ाद आलम ने कहा कि आज 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र से जीत राम, पुत्र शोभा राम निवासी गांव सुल्ली, डाकघर दाड़ला, तहसील अर्की, जिला सोलन, हि.प्र. ने स्वतन्त्र उम्मीदवार के रूप में नामांकन प्रस्तुत किया। 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र से गत दिवस 2 नामांकन प्रस्तुत किए गए थे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा (छंटनी) उपमण्डलाधिकारी कार्यालय अर्की में 11 अक्तूबर को प्रातः 11.00 बजे की जाएगी। नामांकन पत्र 13 अक्तूबर को सांय 3.00 बजे से पूर्व वापिस लिए जा सकेंगे।
दाड़लाघाट पुलिस ने चोरी और गुमशुदगी की दो अलग-अलग वारदातों को सुलझाने में कामयाबी हासिल की है। पहली वारदात के अनुसार कुछ रोज पहले भराड़ीघाट से किसी व्यक्ति की कार चोरी हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर उस कार की बरामदगी शालाघाट से कर ली है। थाना प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि दूसरी वारदात के अनुसार भराड़ीघाट पंचायत के अंतर्गत गाना गांव से एक 16 वर्षीय लड़की गुम हो गई थी उसे भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। लड़की के परिजनों ने पुलिस की इस कार्रवाई को सुखद बताया है। डीएसपी दाड़लाघाट प्रताप सिंह ठाकुर ने इन दोनो वरामदगियों की पुष्टि करते हुए बताया कि कार चोरों का पता लगाया जा रहा है, उन्हें जल्दी ही तलाश कर लिया जाएगा।
विधानसभा अर्की-50 में उप चुनाव की घोषणा तथा आचार संहिता लागू होने पर उपायुक्त सोलन के आदेशों की अनुपालना करते हुए डीएसपी दाड़लाघाट प्रताप सिंह ठाकुर ने लाइसेंस शुदा हथियार धारकों से अपने हथियार अपने पुलिस थाना में जमा करवाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि विधानसभा क्षेत्र अर्की-50 में उपचुनाव की घोषणा और आचार संहिता लागू हो चुकी है, जिस कारण लाइसेंस शुदा हथियार धारक लोगों से यह आग्रह किया जा रहा है कि वे लोग अपने हथियार 1 सप्ताह के अंदर अपने-अपने थाना में जमा करवा दें ताकि उपचुनाव के समय में किसी भी अप्रिय घटना का अंदेशा न रहे। एसएचओ दाड़लाघाट जीत सिंह ने कहा है कि इस संबंध में सभी पंचायत प्रधानों को भी सूचित कर दिया गया है कि वे अपनी पंचायत के अंतर्गत आने वाले ऐसे सभी व्यक्तियों को हथियार जमा करवाने की अपील करें। यदि कोई व्यक्ति अपने शस्त्र जमा न करवा कर इस प्रक्रिया में सहयोग नहीं देता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवश्यक मुरम्मत कार्य के दृष्टिगत सोलन के विभिन्न क्षेत्रों में 10 अक्तूबर को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियन्ता आर. विदुर ने दी। आर. विदुन ने कहा कि इसके दृष्टिगत 10 अक्तूबर को प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.30 बजे तक जौणाजी रोड, शूलिनी नगर, शर्मा बेन्क्वेट, नडोह, बजरोल, उपायुक्त आवास के समीप के क्षेत्रों, शिल्ली रोड, उपायुक्त आवास तथा आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि 10 अक्तूबर को ही राजगढ़ मार्ग, अस्पताल मार्ग, शूलिनी मंदिर के समीप के क्षेत्रों, क्षेत्रीय अस्पताल, मधुबन काॅलोनी, चैक बाजार, गंज बाजार तथा आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 10.00 बजे से 20 मिनट के लिए तथा सांय 5.00 बजे से 20 मिनट के लिए विद्युत आपूर्ति बाधित की जाएगी। उन्होंने इस अवधि के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
डीएवी भड़ोली में स्कूल कैबिनेट समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में पदम श्री अवार्ड से सम्मानित करतार सिंह सोंखले ने मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की। इस अवसर पर बनखंडी के प्रिंसिपल सुभाष शर्मा, विद्यालय के वाइस चेयरमैन ओ पी सोंधी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत डीएवी गान से की गई। तत्पश्चात बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई। इस समारोह में सामाजिक दूरी को ध्यान रखते हुए कोविड-19 के नियमों का पालन किया गया। छात्र कैबिनेट में विद्यालय के वरिष्ठ छात्र और छात्राओं को विभिन्न पदों से नवाजा गया। इस दौरान हर सदन में से बच्चों को कप्तान और उपकप्तान बनाया गया। जिनमें पटेल सदन से मुस्कान ठाकुर, मयंक, सिद्धि, आयुष नेहरू हाउस से नंदिनी, शार्दुल, सिया वर्मा, साहिल राणा, गांधी सदन से सूर्यांश, प्रीति धीमान, नितिन शर्मा, सुभाष सदन से सायशा, अक्षित, कोमल, आदित्य राणा को चुना गया। स्कूल हेड बॉय जतिन शर्मा डिप्टी हेड ब्वॉय अक्षित वशिष्ठ, हेड गर्ल अंजू बाला, डिप्टी हेड गर्ल रिया शर्मा को नियुक्त किया गया । इसके साथ ही विद्यालय के विभिन्न क्लबों के कप्तान और उप कप्तान बनाए गए। इस दौरान अंजू बाला ने हेड गर्ल बने कमेटी के सभी सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। स्कूल के प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने बच्चों को उनके दायित्व का बोध करवाते हुए प्रत्येक कार्य को अनुशासन और ईमानदारी से करने की प्रेरणा दी।
हिमाचल प्रदेश में 11 अक्तूबर से आठवीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की रोजाना कक्षाएं लगाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अभी नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को स्कूल बुलाया जा रहा था। इसमें हफ्ते के पहले तीन दिन दसवीं और 12वीं की कक्षाएं और अगले तीन दिन नॉन बोर्ड नौवीं तथा ग्यारहवीं की कक्षाएं लगाई जा रही थीं। उधर, स्कूलों में नियमित कक्षाएं शुरू करने की तैयारियों के बीच निदेशालय ने कोविड ड्यूटी में नियुक्त शिक्षकों को रिलीव करने की मांग की है। शिक्षा निदेशालय ने इस बाबत जिला उपायुक्तों और सीएमओ को पत्र भेजे हैं।
शुक्रवार को स्वीप 24 बंजार की टीम नोडल ऑफिसर देशराज नेगी और सहायक रवि प्रकाश की अध्यक्षता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हिडब और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जीभी में जाकर विद्यार्थियों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया। बच्चों के माध्यम से उन्होंने यह संदेश पहुंचाने का प्रयास किया कि मतदान करना बहुत ही आवश्यक है। सभी मतदाता बढ़-चढ़कर 30 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा चुनाव क्षेत्र के उपचुनाव के लिए जागरूक होकर मतदान करें। इन स्कूलों के तहत आने वाली पंचायत सजबाड़, खाडागाड़, चेहनी और पंचायत जीभी के विद्यार्थी इन स्कूलों में पढ़ते हैं और उन के माध्यम से इन सभी पंचायतों में गांव-गांव तक यह संदेश पंहुचाया जाएगा।
राजकीय महाविद्यालय मटौर (काँगड़ा) की नशा निवारण समिति के सदस्य डॉ.अतुल आचार्य व डॉ प्रवेश ने आज यानि 8 अक्तूबर को महाविद्यालय के छात्र एवं छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने शपथ ली कि वह जीवन में मादक पदार्थों का सेवन कभी भी नहीं करेंगे और न ही किसी को करने देंगे। मादक पदार्थों के सेवन से समाज को दूर रखने के लिए युवा पीढ़ी पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी से काम करेगी। महाविद्यालय के छात्रों को नशा निवारण के विषय पर एक चलचित्र भी दिखाया गया। जिसके द्वारा सभी को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया और यह भी बताया गया कि कैसे मादक पदार्थों का उपयोग हमारे स्वास्थ्य, सुरक्षा, शांति और विकास को गंभीर रूप से प्रभावित करता है।
फतेहपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में नामांकन भरा। इस दौरान मंत्री राकेश पठानिया, बिक्रम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और अन्य पार्टी नेता भी मौजूद रहे। नामांकन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरते हुए लोगों से विकास के नाम पर वोट मांगे। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सबसे पहले स्व. सुजान सिंह पठानिया को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है जब एक साथ 20 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव हो रहे हैं, प्रदेश के आठ जिलों में आचार संहिता लगी हुई है। 13 वर्षों से फतेहपुर से भाजपा का विधायक हिमाचल विधानसभा में नहीं है। 13 वर्ष का वनवास अब खत्म होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने फतेहपुर के लोगों से साथ चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश में भाजपा की सरकार है और फतेहपुर के विकास में कमी नहीं रहने दी जाएगी।
मंडी संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी प्रतिभा सिंह व जुब्बल में रोहित ठाकुर ने अपने अपने नामांकन दाखिल किए। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों से खुशी व्यक्त की। मंडी में प्रतिभा सिंह के नामांकन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रभारी संजय दत्त, प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, आशा कुमारी, सुधीर शर्मा, कौल सिंह ठाकुर, गंगू राममुसाफिर, विनय कुमार, राजेन्द्र राणा, जगत सिंह नेगी, इंद्रदत्त लखनपाल, सुंदर ठाकुर, आशीष बुटेल, नन्द लाल, विक्रमादित्य सिंह, प्रकाश चौधरी, ग्यालसंन ठाकुर, उमेश नेगी, कुलदीप कुमार, बुद्धि सिंह ठाकुर, बम्बर ठाकुर, रंगीला राम राव, जैनब चंदेल, अनुराग शर्मा, नेगी निगम भंडारी, यदोपति ठाकुर, छत्र सिंह, हरदीप सिंह बाबा सहित मंडी के 17 ब्लॉकों के कांग्रेस अध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी चेतराम ठाकुर, रवि ठाकुर महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस एनएसयूआई व कांग्रेस पार्टी के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता व सेंकडो की संख्या में उनके समर्थक मौजूद थे।
उपमंडल बंजार में वीरवार देर रात 3 सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई ,जबकि तीन व्यक्ति घायल हुए। जानकारी के अनुसार पहला हादसा उपमंडल बंजार के मध्य से गुजरने वाले एनएच 305 गांव सोझा के पास पंडलानाला में हुआ जिसमें 2 पर्यटक बाइक सवार जलोड़ी पास की ओर से बंजार की ओर आ रहे थे। अचानक तीखी ढलान होने के चलते बाइक के ब्रेक फेल हो जाने से वह सीधा पहाड़ी से जा टकराया। जिस कारण मोटसाइकिल संख्या सीएच01बी वाई 8609 में सवार हितेश हीरा सपुत्र गिरधारी लाल निवासी हाउस नंबर 30/12 सेक्टर 22 स्वर्ण पथ मानसरोवर जयपुर राजस्थान व गुलशन शर्मा सपुत्र नंद किशोर वार्ड नं 12 बांदे बग्गी जिला डोसा राजस्थान को चोटें आई। जिन्हें 108 के माध्यम से बंजार अस्पताल लाया गया, वहीं जीभी गाड़ा गुशैनी सड़क पर एक टैक्सी अल्टो कार के एच पी 01 के 7479 के सड़क से नीचे दूसरी सड़क पर लुढ़कने से टैक्सी चालक वेद राम 29 पुत्र उदयराम गांव भलाग्रा तहसील बंजार घायल हो गया । जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बंजार अस्पताल लाया गया। वहीं तीसरा हादसा तीर्थन घाटी के शाईरोपा में पेश आया है। इस हादसे में एक बाइक में तीन व्यक्ति सवार होकर जा रहे थे। जिसके चलते बाइक अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। बाइक सवार तीन में से दो की मौत हो गई व तीसरा व्यक्ति घायल हो गया।
स्वच्छ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत एनएसएस इकाई ने प्लास्टिक मुक्त परिसर तथा स्वच्छता अभियान चलाया। जिसमें 40 स्वयंसेवकों ने भाग लेकर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया। इसके साथ एनएसएस स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर में रैली व नारे लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम अधिकारी आचार्य यश पाल ने बताया की 31 अक्टूबर तक चलने वाले इस स्वच्छता अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर सभी आचार्य वर्ग, एनएसएस प्रेज़िडेंट निखिल तथा मोनिका सहित सभी स्वयंसेवी उपस्थित रहे।
प्रदेश में हो रहे उपचुनावों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं की ओर से दिए जाने रहे बयानों पर भारतीय जनता पार्टी ने आक्रामक रूख अपना लिया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री राकेश जम्वाल ने कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर से पूछा कि आप आठ बार विधायक और मंत्री के पद पर रहे तो मंडी जिले के विकास में कितना योगदान दिया। मंडी छोड़िए, आपने तो अपने इलाके द्रंग के लिए भी कुछ नहीं किया। जम्वाल ने कहा कि जब से प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनी है, मंडी ही नहीं, पूरे हिमाचल में करोडों के विकास कार्य किए गए हैं। कौल सिंह ठाकुर के क्षेत्र में ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 270 करोड़ रुपये से ज्यादा के विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास किए हैं। कौल सिंह कहते हैं कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज उनकी देन है। भाजपा नेता जम्वाल ने कहा, अगर मंडी में विकास न हुआ होता तो कांग्रेस के नेताओं में इस मुद्दे को भुनाकर संसदीय उपचुनाव में उतरने की होड़ मची होती। लेकिन वे जानते हैं कि जनता के बीच जाएंगे तो उनके पास कोई मुद्दा नहीं होगा। यही वजह है कि मंडी संसदीय सीट पर कांग्रेस की हार सुनिश्चित देख कौल सिंह ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। जम्वाल ने कहा कि कौल सिंह ने 2017 के हिमाचल विधानसभा चुनाव में कहा था कि वह अपना आखिरी चुनाव लड़ रहे हैं। फिर उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनावों में लड़ने से इनकार कर दिया। लेकिन अब लोकभा उपचुनावों के दौरान कहा कि वह 2022 में आखिरी चुनाव लड़ेंगे। कौल सिंह बताएं कि वह कितनी बार अपना आखिरी चुनाव लड़ेंगे? भाजपा के प्रदेश महानमंत्री राकेश जम्वाल ने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर और कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर को अपने कुनबे को संभालने की नसीहत दी है। तीनों कांग्रेसी नेताओं द्वारा भाजपा प्रत्याशियों को कमजोर कहे जाने पर भाजपा नेता ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने खास कर मुकेश अग्निहोत्री और कौल सिंह ठाकुर को 2022 के चुनाव की चिंता छोड़ चार उपचुनावों में लाज बचाने की चुनौती दी है। उन्होंने राठौर को भाजपा की चिंता छोड़ अपनी कुर्सी बचाने की नसीहत भी दी।
जनता देख रही है कि उनकी दुश्वारियों से नही बल्कि अपनी टिकटों के लिए लड़ रहे है भाजपा और कांग्रेस। ये बात आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी रत्नेश गुप्ता ने कही। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, स्वास्थ और शिक्षा जो आम आदमी के मुद्दे है, उनकी इन उपचुनावों में बात नही हो रही है। जो ये बताता है कि भाजपा और कांग्रेस दोनों का इन मुद्दो से सरोकार नही है। ये दल चुनावो में पहले टिकटो के लिए लड़ते है, फिर सत्ता में आने के बाद जनता के पैसों की बंदरबाट के लिए लड़ते है। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव में जुमलों की बारिश हो सकती है पर वादा पूरा करने की इनकी नीयत नही है। उन्होंने कहा की ये सब जल्द बदलेगा क्यूंकि आम आदमी पार्टी सूबे में सक्रिय हो गई है। आम आदमी पार्टी जो भी वादे करती है वो पूरा करती है। इसकी गवाही जनता खुद देती है, जिसने दो बार 70 सीटो की विधानसभा में से 60 से ज्यादा सीटे आप को दी है। उन्होंने अपील की जनता अपने मत का प्रयोग सोच समझ कर करे और प्रत्याशी की जवाबदेही तय करे।
नई शिक्षा नीति में दो टर्म में परीक्षाओं के दौरान अगर किसी विद्यार्थी का परिणाम कंपार्टमेंट आता है तो उसे इस परीक्षा को देने के लिए पूरे पाठ्यक्रम से प्रश्न पूछे जाएंगे। अंक सुधार करने वालों के लिए भी बोर्ड पूरे पाठ्यक्रम से प्रश्नपत्र को सेट करेगा। वहीं, दो टर्म की परीक्षाओं में विद्यार्थियों के लिए 50-50 फीसदी सिलेबस से पेपर सेट किया जाएगा। नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को स्कूल में 75 फीसदी उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य होगा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने नई शिक्षा नीति के तहत दो टर्म में परीक्षाएं लेने की अधिसूचना जारी की है। तीसरी, 5वीं, 8वीं और 9वीं से 12वीं तक परीक्षाएं दो टर्म में ली जाएंगी। इन्हीं के तहत उनका परीक्षा परिणाम तैयार किया जाएगा। अगर विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आती है तो इसकी परीक्षा देने के लिए संबंधित विषय का पूरा पाठ्यक्रम पढ़ना होगा। तीसरी से 8वीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्कूल में 90 फीसदी से अधिक उपस्थिति के दो अंक मिलेंगे। विद्यार्थी 80 से 89 फीसदी तक उपस्थिति दर्ज करवाते हैं,तो उसे आंतरिक मूल्यांकन के तहत दिए जाने वाले अंकों में एक अंक दिया जाएगा। अगर विद्यार्थी 90 फीसदी से अधिक उपस्थिति दर्ज करवाते हैं तो दो अंक मिलेंगे। अन्य गतिविधियों के तहत भी 10 नंबर को विभाजित किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश चुनाव आचार संहिता के चलते पुलिस थाना लंबागांव के एस एचओ केसर सिंह ने बताया कि जिला कांगडा में आचार संहिता लगी हुई है। जिसके चलते जो भी लंबागांव पुलिस थाना के क्षेत्र में आते है और बंदूक धारक लाइसेंस वाले है। वह अपनी-अपनी बंदूके एक हफ्ते के अंदर पुलिस थाना लंबागांव में जमा करवा दे। अगर कोई भी ब्यक्ति ऐसा नहीं करता है, तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शक्तिपीठ ज्वालामुखी में शारदीय नवरात्रों का आगाज झंडा रस्म के साथ किया गया। एसडीएम धनवीर ठाकुर, तहसीलदार दीनानाथ, डीएसपी चंद्रपाल सिंह व मन्दिर न्यास सदस्यों ने सबसे पहले माता ज्वाला के दर्शन किये उसके बाद मन्दिर न्यास सद्स्यो सहित विधिवत पूजा अर्चना करते हुए पारंपरिक रस्म से नए झंडे माता के दरबार मे अर्पण किये और पुराने झंडे उतार कर प्रसाद रूप में बांटे। इसके बाद कन्या पूजन भी किया गया। शारदीय नवरात्र में पर्ची सिस्टम से ही दर्शन करवाये जा रहे हैं और दो डोज वैक्सीन प्रमाण पत्र चेक की जा रही है। एसडीएम ज्वालामुखी धनवीर ठाकुर ने बताया कि विधिवत पूजा अर्चना और पारंपरिक झंडा रस्म के साथ शारदीय नवरात्रो का आगाज किया गया और मन्दिर प्रसाशन ने श्रद्धालुओं के दर्शनों हेतु पुख्ता इंतजाम किए है। इसके साथ ही उन्होंने सभी को नवरात्रि की बधाई दी। डीएसपी चंद्रपाल सिंह ज्वालामुखी ने बताया की मन्दिर व शहर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 50 अतिरिक्त होम गार्ड्स तैनात किए गए हैं और शहर को 6 सेक्टर में विभाजित किया गया है और बस स्टैंड में सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था की गई है। पार्किंग बड़े वाहनों के लिए शहर के बाहर चिन्हित की गई है। अगर कोई शहर में पार्किंग करता है और सड़क के साथ आवजाही प्रभावित करता है तो उसके विरुद्ध कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इस मौके पर तहसीलदार दीनानाथ, मन्दिर न्यास सदस्य पुजारी मधुसूदन शर्मा, प्रशांत शर्मा, सौरभ शर्मा, शशि चौधरी, जेपी दत्ता, कृष्ण स्वरूप, एसके शर्मा आदि मौजूद रहे।
सोलन जिला के 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र से आज 2 नामांकन प्रस्तुत किए गए। यह जानकारी आज यहां निर्वाचन अधिकारी शहज़ाद आलम ने दी। उन्होंने कहा कि 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र से आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में संजय, पुत्र दिला राम, गांव एवं डाकघर कन्धर, तहसील अर्की, जिला सोलन, हिप्र ने 2 नामांकन प्रस्तुत किए। शहज़ाद आलम ने कहा कि आज 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र से सतीश कुमार कश्यप, पुत्र हरि राम, वार्ड नम्बर-7, गांव एवं डाकघर अर्की, तहसील अर्की, जिला सोलन, हि.प्र. ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कवरिंग उम्मीदवार के रूप में नामांकन प्रस्तुत किया। नामांकन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 08 अक्तूबर, 2021 निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा (छंटनी) उपमण्डलाधिकारी कार्यालय अर्की में 11 अक्तूबर को प्रातः 11.00 बजे की जाएगी। नामांकन पत्र 13 अक्तूबर को सांय 3.00 बजे से पूर्व वापिस लिए जा सकेंगे।
बोर्ड अध्यक्ष सुरेश सोनी ने वेबनार के माध्यम से बैठक का आयोजन किया। बैठक में अधिकतर सरकारी व प्राइवेट स्कूलों के शिक्षक संगठनों ने भाग लिया। बैठक में सभी शिक्षक नेताओं ने नवंबर माह में टर्म 1 की परीक्षा करवाने का एक मत से विरोध किया l वेबनार में हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान और महासचिव श्याम लाल हांडा ने भी भाग लिया। अपने वक्तव्य में हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बोर्ड चेयरमैन स्पष्ट करें कि टर्म सिस्टम को लागू करने के लिए बोर्ड ने शिक्षक संघों के साथ कितनी बैठके अभी तक की है यदि नहीं की तो अब बोर्ड चेयरमैन को बैठक करने की क्या जरूरत महसूस हुई। चौहान ने कहा कि अच्छा होता यदि नई शिक्षा नीति को हिमाचल प्रदेश में पूरी तैयारी के साथ लागू किया जाता और इससे पहले शिक्षक संघो के साथ चर्चा की जाती। बैठक के दौरान चौहान ने आरोप लगाया कि आनन-फानन में जिस तरह से बोर्ड ने अधिसूचना जारी की और उसके बाद सिलेबस डिस्ट्रीब्यूशन का मॉड्यूल तैयार किया उसमें बहुत त्रुटि भी थी ल उससे स्कूल शिक्षा बोर्ड और हिमाचल का नाम धूमिल हुआ है। सभी ने एक मत से बैठक में कहा कि सितम्बर माह में हुई परीक्षाओं को ही फर्स्ट टर्म माना जाये।
कांग्रेस प्रवक्ता किरण धांटा ने मुख्यमंत्री जयराम के बयान 'कांग्रेस के पास न तो नेता है और न नीति ' पर पलटवार करते हुए कहा कि जो सरकार एक साल से किसानों के लिये नीति नहीं बना पा रही हो, सरकारी नौकरियों में धांधली करा रही हो, महामारी के इस काल में स्वास्थ्य सेवाओं में घोटाले करा रही हो। उस सरकार के मुख्यमंत्री को यह सब कहने से पहले अपने सरकार की कार्यशैली और कार्यनीति पर गौर करना चाहिये। कांग्रेस के पास सशक्त व योग्य नेता थे और है। जो जनता की सेवा देश भक्ति की नियत से करते है, ना की भाजपा के नेताओं के तरह जुमलों की नीति से। कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि भाजपा अपनी हार को निश्चित देख कर बौखला गई है। इसलिए भाजपा के नेता अपने शब्दों पर नियंत्रण नहीं कर पा रहे हैं। आज प्रदेश की जनता भाजपा के रवैये को समझ गई है और इस का जबाब जनता उपचुनावों में भाजपा को देने वाली है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा की कांग्रेस भाजपा की तरह जाती-वाद, क्षेत्रवाद, ऊंच -नीच व धार्मिक भावनाओं के आधार पर जनता से वोट नहीं मांगती बल्कि काम के बलबूते पर वोट मांगती है। प्रवक्ता ने कहा की आज की जनता पढ़ी लिखी जनता है और वो जनता के हितों में काम करने वाली कांग्रेस पार्टी के सभी उम्मीदवारों को बहुमतों से विजयी बनाएगी।
वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भनोग की विद्यालय प्रबंधन समिति के चुनाव में अर्जुन सिंह ठाकुर को एसएमसी भनोग का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। एस एम सी के चुनाव निर्विरोध सम्पन्न हुए और अध्यक्ष सहित पूरी कार्यकारिणी को निर्विरोध चुन लिया गया। नरपत ठाकुर, रीना ठाकुर, ललिता ठाकुर, मीरा, रीता, जगमोहन, हेमलता, जगदीश, सुमित्रा, रेखा और मंजू को सर्वसम्मति से समिति का सदस्य चुना गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अर्जुन सिंह ठाकुर ने कहा कि वे पूरी निष्ठा से स्कूल और इसके छात्रों के हितों के कार्य करते रहेंगे। ताकि भविष्य में भी भनोग स्कूल शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में अव्वल आता रहे।
कांग्रेस लगातार उपचुनाव के बीच संगठन में नयी नियुक्तियाँ कर रही है और ऐसे में आज तीन नई नियुक्तियाँ प्रदेश कांग्रेस कमेटी में मीडिया पेनेलिस्ट की भी की गयी है। जिसमें प्रवक्ताओं की टीम में कौशल मुँगटा को मीडिया पेनेलिस्ट के रूप में नियुक्ति दी गयी है। ग़ौरतलब है कि कौशल मुँगटा ज़िला शिमला से अभी तक के इतिहास में सबसे अधिक मतों से जीतकर आए है। सबसे युवा ज़िला परिषद् सदस्य है और ज़िला शिमला बागवानी व उद्योग कमेटी के चेयरमेन के पद पर भी कार्यरत है। मुँगटा लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े छात्र संगठन NSUI से लेकर सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष रहने के बाद वे युवा कांग्रेस के निर्वाचित महासचिव के पद पर अपनी सेवाएँ कांग्रेस में दे चुके है। मूँगटा आंदोलनों से उभरा वो नाम है जो लगातार बाग़वानों किसानों की आवाज़ को ज़िला परिषद् सदन में प्रमुखता से उठाते आए है। मुँगटा अपने तेज़ तर्रार भाषण शैली व मुखर अन्दाज़ के लिए जाने जाते है। हिमाचल के सबसे युवा लेखकों में शुमार कौशल मुँगटा कई पुस्तकें भी लिख चुके है। मूँगटा ने इस महत्वपूर्ण नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर, मीडिया विभाग के प्रमुख हर्षवर्धन चौहान व महासचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी रजनीश किमटा, हरीकृष्ण हिमराल व पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रोहित ठाकुर का धन्यवाद किया है।
दाड़लाघाट: सशक्त व सभ्य समाज में बेटियों व महिलाओं का सम्मान होना अति आवश्यक है। इसी भावना को आत्मसात किए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरयाँज के स्वयंसेवियों ने नवरात्रि पर्व आरंभ होने के पावन अवसर पर बेटियों व महिलाओं के सम्मान का संदेश दिया।एनएसएस प्रभारी दीपक ठाकुर के मार्गदर्शन में एनएसएस स्वयंसेवियों ने लिखित संदेशों द्वारा सभी को बेटियों व महिलाओं का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य प्रेम लाल नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि माता दुर्गा के विभिन्न रूपों को समर्पित नवरात्रि का पावन पर्व हमें महिलाओं व बेटियों के प्रति हमारे कर्तव्यों का स्मरण भी करवाता है। हमें बेटियों व महिलाओं का सदैव सम्मान करना चाहिए व इस संकल्प को अपने जीवन में सिद्धांत के रूप में अपनाना चाहिए।
आने वाले दिनों में होने वाली छुट्टियों में हिमाचल में 28 से 30 लाख पर्यटकों के हिमाचल में आने की संभावना है। यह हिमाचल की जनसंख्या के लगभग 40 प्रतिशत के बराबर है। ऐसे में उपायुक्त कांगड़ा डा. निपुण जिंदल का कहना है कि इस शोध को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है और आने वाले दिनों में पर्यटकों के आगमन पर सुनिश्चत किया जाएगा कि वह कोविड नियमों का पालन करें। इसके लिए होटलियर सहित पर्यटन कारोबार से जुड़े सभी लोगों से मिलकर उन्हें इसके लिए तैयार किया जाएगा। ऐसे में इनका पालन करवाने के लिए प्रशासन संबंधित एजेंसियों से मिलकर काम करेगा। शोधकर्ताओं के अनुसार मनाली व दार्जलिंग जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों में लोगों में रोग प्रतिशोधी क्षमता पूर्णत विकसित नहीं हुई है। आने वाले दिनों में होलिडे टूरिस्ट सीजन के रिवेंज ट्रेवल से कोरोना का खतरा बढ़ जाएगा। क्यूकि भीड़ ज्यादा होने से नियम टूटने का खतरा है। इससे न केवल कोरोना की तीसरी लहर समय से पहले आ सकती है बल्कि यह 47 प्रतिशत तक भयावह हो सकती है। कोरोना की दूसरी लहर का भारत के अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग प्रभाव हुआ है।
सोलन जिला के 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार से सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम के तहत जागरूकता कार्यक्रम आरम्भ हुए। स्वीप कार्यक्रम का शुभारम्भ राजकीय महाविद्यालय अर्की से किया गया। यह जानकारी स्वीप के नोडल अधिकारी शिव कुमार ने दी। शिव कुमार ने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में 30 अक्तूबर, 2021 को होने वाले उप निर्वाचन के दृष्टिगत स्वीप गतिविधियां आरम्भ की गई हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक बनाकर मत प्रतिशत को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि लोकतन्त्र में एक-एक मत मूल्यवान है और इस दिशा में युवा पीढ़ी का जागरूक होना अत्यन्त आवश्यक है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि लोकतन्त्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदान अवश्य करें। साथ ही छात्रों का आह्वान किया कि फेसबुक पेज ‘अर्की करे https://www.facebook.com/104375465353489/posts/105820571875645/ पर स्वीप सम्बन्धी गतिविधियों के लिए विजिट एवं शेयर करें और अन्य को भी इस पेज की जानकारी दें। इस अवसर पर मतदान के विषय में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए नारा लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। अवसर के दौरान पुनीत ठाकुर, संजय वर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं प्राध्यापक उपस्थित थे।
मंडी संसदीय उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने गुरुवार को नामांकन दाखिल कर दिया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर समेत अन्य मंत्रियों और भाजपा के विधायकों व पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने पर्चा भरा। नामांकन के बाद मंडी के सेरी मंच से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने भी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की जयराम सरकार ने जो विकास कार्य किए हैं, हम उसी के दम पर चुनाव जीतेंगे। ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने भारत माता की जय के नारे के साथ अपने भाषण की शुरुआत की और प्रत्याशी बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश के नेतृत्व का धन्यवाद अदा किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में राष्ट्रीय सेवा योजना के सदस्यों ने सफाई अभियान चलाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य हंसराज शर्मा की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम कार्यक्रम प्रभारी विजय चंदेल एवं क्षमा शर्मा की देखरेख में चलाया गया। इसके अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवीयों ने विद्यालय की क्यारियों, खेल के मैदान, विद्यालय की गलियों व आसपास उगी घास को इकट्ठा कर सफाई की गई। इसके उपरांत एनएसएस प्रभारियों द्वारा बच्चों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी प्रदान की गई। अंत में विद्यालय प्रधानाचार्य हंसराज शर्मा ने इस कार्यक्रम की सफलता के लिए एनएसएस प्रभारीयों व एनएसएस स्वयंसेवीयों का धन्यवाद किया।
कुल्लू पुलिस द्वारा नशे के ख्लिाफ छेड़े अभियान के तहत कुल्लू पुलिस ने अरछंडी नाला के पास गश्त के दौरान एक व्यक्ति को 504 ग्राम चरस सहित धर दबोचा है। एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पतलीकुहल पुलिस की एक टीम बीती रात कीरब 9.35 बजे लरांकेला और अरडंडी की तरफ गश्त पर थी। उसी दौरान एक व्यक्ति पैदल सड़क पर कुल्लू की ओर से अरछण्डी की ओर गाड़ी की लाईट से आता दिखाई दिया, जिसके बाएं हाथ में कोई वस्तु थी, जैसे ही इस व्यक्ति ने सामने पुलिस की गाड़ी को आते देखा तो उस व्यक्ति ने अपने बाएं हाथ में उठा रखी वस्तु को अपने बाईं तरफ सड़क के किनारे फेंक दिया। पुलिस द्वारा पूछने पर इस व्यक्ति ने अपना नाम खेख राम पुत्र ठाकुर दास निवासी गांव धारा शरन डा काईस त व जिला कुल्लू उम्र 46 वर्ष बताया। उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने उक्त व्यक्ति द्वारा फैंकी गई वस्तु की तालाशी ली तो उसके अंदर से काले रंग का चपातीनुमा पदार्थ पारदर्शी पोलोथीन से रैप किया बरामद हुआ। चपातीनुमा पदार्थ को तोड़ कर व सुंघ कर चैक किया तो अनुभव के आधार पर चरस पाया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह वीरवार को मंडी लोकसभा संसदीय क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार ब्रिगेडियर खुशाल सिंह ठाकुर के नामांकन में शामिल हुए व उन्हें अग्रिम जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा की भाजपा द्वारा मंडी लोकसभा सीट से ब्रिगेडियर कुशाल सिंह ठाकुर को भाजपा के प्रत्याशी के रूप में टिकट दिया गया है, जो कि बहुत खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में होने वाले उपचुनावों में अपनी शानदार जीत दर्ज करेगी और जहां तक मंडी संसदीय लोकसभा क्षेत्र की बात है तो यहां से भाजपा उम्मीदवार ब्रिगेडियर खुशाल सिंह ठाकुर भारी बहुमत से जीत हासिल करेंगें। उन्होंने कहा कि खुशाल ठाकुर की सैन्य पृष्ठभूमि उनका लंबा चौड़ा परिचय देती है। वह किसी भी तरह की पहचान के मोहताज नहीं है। उन्होंने कहा कि सैन्य अधिकारी के साथ-साथ उन्हें राजनीति का भी अच्छा तजुर्बा है एवं 2014 से वे भाजपा की मजबूती के लिए लगातार कार्य करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जोगिंदरनगर विधानसभा क्षेत्र से भी इन उपचुनावों में भाजपा प्रत्याशी को भारी लीड दिलाई जाएगी।
सेवा ही समर्पण अभियान के तहत वीरवार को सब्जी मंडी वार्ड नंबर 3 में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिला मोर्चा की सदस्यों ने सब्जी मंडी के पास सफाई की। 2 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक चलाये गये इस स्वच्छता अभियान का आज समापन हुआ। इस मौके पर महिला मोर्चा मंडल सचिव एव पार्षद रजनी, तरुणा, उर्मिल, लवली, रीना ब्यास उपस्थित रही। यह जानकारी महिला मोर्चा की जिला मीडिया प्रभारी सीमा कश्यप ने दी।
कांगड़ा जिले के शाहपुर के धनोटू गांव में एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। जिस के चलते थाना शाहपुर पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार किया है। मृतक महिला के भाई ने जीजा पर बहन को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। भाई की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक सरला देवी पत्नी जोगिन्द्र सिंह निवासी कुठेड़ धनोटू का शव रात को घर में ही संदिग्ध हालत में फंदे पर लटका पाया गया। इसके बारे में जब मायके पक्ष को पता चला तो काफी संख्या में लोग कुठेड़ पहुंच गए। मृतका के भाई राकेश कुमार पुत्र दासो राम निवासी सिहंवा ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन सरला देवी (32) की शादी 2007 में जोगिंद्रसिंह (40) के साथ हुई थी, लेकिन शादी के 13-14 वर्ष बीत जाने के बाद उन्हें बच्चा नहीं हुआ। इसी कारण ससुराल पक्ष के लोग सरला को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। पुलिस ने मृतका के पति जोगिंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। थाना शाहपुर के एसएचओ त्रिलोचन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए धर्मशाला भेज दिया है।
हृदय रोग और रक्तचाप जैसी बीमारियों के लिए रामबाण एवोकेडो फल अब हिमाचल में पैदा होगा। इससे प्रदेश के बागवानों की आर्थिकी भी मजबूत होगी। उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी में इस फल का ट्रायल सफल हो गया है। चार वर्ष पहले नेरी कॉलेज में वैज्ञानिक डॉ. सोमदेव शर्मा ने 50 पौधे इस फल के लगाए थे। इस साल इन पौधों में पहली बार फल उगे हैं। अब कॉलेज में इस फल के पौधों की नर्सरी तैयार करने की योजना है ताकि बागवानों को इसके पौधे आसानी से उपलब्ध करवाए जा सकें। एवोकेडो फल गर्म इलाकों में उगाया जाता है। यह फल उत्तरी अमेरिका में उगाया जाता है और बाजार में 150 से 200 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिकता है। एवोकेडो फल में पाए जाने वाले फैट्स स्वास्थ्य के लिए बहुत ही लाभदायक माने जाते हैं। इससे हृदय रोग रोग, रक्तचाप जैसी बीमारियों से राहत मिलती है। इसमें कार्बोहाइड्रेट्स, विटामिन सी, बी, ई, पोटेशियम समेत अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह फल 500 से 1000 मीटर तक की जलवायु वाले क्षेत्रों में उगाया जाता है। 2017 में शोध के लिए प्रदेश में पहली बार नेरी में यह पौधे लगाए गए थे। हालांकि कुछ बागवानों ने अपने स्तर पर इस फल के पौधे लगाए हुए हैं, लेकिन अनुसंधान के लिए नेरी में ही पहली बार यह पौधे लगाए गए थे। अब नेरी में पौधों पर फल लग गए हैं। अब बड़े स्तर पर इसका उत्पादन करने का प्रयास किया जाएगा और बागवानों को लाभ पहुंचाया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश: प्रदेश में एक संसदीय क्षेत्र सहित तीन विधानसभा क्षेत्रों में होने जा रहे उपचुनाव के लिए गुरुवार से नवरात्र शुरू होते ही नामांकन प्रक्रिया रफ्तार पकड़ेगी। हिमाचल प्रदेश में होने वाले उपचुनाव में बीजेपी ने चार सीटों पर अपने उम्मीदवार के नाम घोषित किए हैं। साथ ही मंडी संसदीय सीट सहित तीन विधानसभा पर बीजेपी संसदीय बोर्ड ने टिकट आवंटन पर बुधवार देर रात तक दिल्ली में हुए मंथन के बाद सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जिनके नाम हैं- अर्की विधानसभा सीट से रतनपाल तथा मंडी से कारगिल युद्ध के हीरो ब्रिगेडियर खुशाल सिंह। फतेहपुर से जुब्बल-कोटखाई से पूर्व जिला परिषद सदस्य नीलम सरैइक व बलदेव ठाकुर के नाम पर मुहर लगी है। अंतिम श्राद्ध समाप्त होते ही बुधवार अपराह्न बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। बैठक से पहले ही बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप को शिमला लौटने के लिए कहा गया। मंडी संसदीय सीट से प्रतिभा सिंह 8 अक्तूबर को नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। चुनाव आयोग की अधिसूचना के अनुसार एक अक्तूबर से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन 6 अक्तूबर तक श्राद्ध होने के चलते किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन अभियान के तहत बेहतरीन प्रदर्शन के चलते लाहौल- स्पीति जिले को राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक मिलने की पूरी संभावना बन गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अभियान के तहत जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों के जमीनी आकलन के लिए विशेष तौर पर केंद्र से आई एक टीम ने भी 2 दिन का दौरा किया है। उप महानिदेशक डॉ सुदर्शन मंडल की अगुवाई वाली इस 10 सदस्यीय टीम ने न केवल विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया बल्कि क्षय रोग का इलाज करवा रहे रोगियों के अलावा आशा वर्कर से भी फीडबैक हासिल किया। उपायुक्त लाहौल- स्पीति नीरज कुमार ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षय रोग उन्मूलन अभियान के प्रभावी कार्यान्वयन को लेकर खुशी जाहिर करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मदन बंधु, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ जगदीश और जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ रंजीत वैद्य के अलावा स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रदर्शन के चलते जिले को स्वर्ण पदक प्राप्त होने की पूरी संभावनाएं बन गई हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मदन बंधु ने बताया कि क्षय रोग उन्मूलन अभियान की उपायुक्त नीरज कुमार द्वारा भी निरंतर समीक्षा की जाती रही है। उन्होंने बताया कि केंद्र से आई टीम के समक्ष विभाग द्वारा एक प्रेजेन्टेशन प्रस्तुत किया गया। टीम ने बाकायदा लेबोरेट्री का निरीक्षण किया और रिकॉर्ड भी जांचा। टीम ने इसके अलावा लाभार्थियों से भेंट की और अभियान के बारे में उनके अनुभवों को जाना। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि केंद्र की टीम अभियान के कार्यान्वयन के हर पहलू को लेकर पूरी तरह से संतुष्ट रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 के बेसलाइन सर्वे के मुताबिक प्रति एक लाख की आबादी पर क्षय रोगियों की संख्या को 80 फीसदी तक नीचे लाने पर केंद्र द्वारा स्वर्ण पदक दिया जाता है। इस लक्ष्य को जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा हासिल किया गया है। उन्होंने बताया कि 24 मार्च 2021 को क्षय रोगियों की संख्या को 60 फीसदी तक नीचे लाने का लक्ष्य हासिल करने पर लाहौल- स्पीति जिले को रजत पदक भी प्राप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को जाता है।
मीनाक्षी शर्मा ने आनी कार्यालय में खंड समन्वयक व सहायक प्रबंधक का कार्यभार संभाला इस मौके पर सहायक प्रबंधक शाखा कार्यालय दत्तनगर नील नेगी ने उनका स्वागत व अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मानव देखभाल संगठन महिला सशक्तिकरण के कार्य करता है। मीनाक्षी को राष्ट्रीय मानव देखभाल संगठन के पूरे परिवार की तरफ से खंड समन्वयक व सहायक प्रबंधक बनने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं ।
हिमाचल किसान सभा ने प्रदेश की मंडियों में आढ़तियों व खरीददारों के पास फंसे किसानों व बागवानों के सैंकड़ों करोड़ रुपये बकाया भुगतान को लेकर सरकार के ढुलमुल रवैये पर गहरी चिंता व्यक्त की है। किसान सभा ने इनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि किसानों व बागवानों को उनका वर्षों से देय बकाया भुगतान करवाया जा सके। किसान सभा ने सरकार पर आरोप लगाया है कि प्रदेश की मंडियों में APMC कानून, 2005 की खुली अवहेलना कर आढ़तियों व खरीददारों के द्वारा इसकी धज्जियां उड़ाई जा रही है और सरकार मूकदर्शक बनकर बैठी है। इससे सरकार का किसान विरोधी व दोषी आढ़तियों व खरीददारों के प्रति सहानुभूति पूर्ण रवैया साफ़ नज़र आता है। किसान सभा द्वारा आयोजित प्रैस वार्ता में कोटखाई निवासी राजिंदर चौहान द्वारा जो तथ्य प्रस्तुत किये गए हैं उनसे स्पष्ट है कि सरकार दोषी आढ़तियों व खरीददारों के प्रति कोई कार्यवाही नहीं कर रही। राजिंदर चौहान ने प्रैस वार्ता के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से आग्रह किया है कि वे तुरंत हस्तक्षेप कर किसानों का शोषण करने वाले व्यक्ति को सरकार संरक्षण प्रदान न करे। यदि सरकार समय रहते इनके बकाया भुगतान नहीं करती और दोषी आढ़ती के विरुद्ध कार्यवाही नहीं करती तो वे अपनी मांग को लेकर किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार है और इसके लिए आढ़ती रतन सिंह पाल व प्रदेश सरकार जिम्मेवार होगी।


















































