कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर कल 7 अक्टूबर को अर्की में पार्टी प्रत्याशी संजय अवस्थी के नामांकन के समय साथ रहेंगे। 8 अक्टूबर को राठौर मंडी में प्रतिभा सिंह के नामांकन के समय भी साथ होंगे। राठौर ने आज यहां बताया कि कल 7 अक्टूबर से वह पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार में उतर रहें है।कल नामंकन के बाद अर्की में एक जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे।इसके बाद राठौर मंडी को रवाना होंगे और उनका रात्रि विश्राम सुंदरनगर रहेगा। 8 अक्टूबर को मंडी में प्रतिभा सिंह के नामंकन के बाद यहां भी एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित करेंगे। राठौर ने कहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में इन चुनावों को लेकर भारी उत्साह है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा से पहले अपने प्रत्याशी घोषित कर पहले ही बाजी मार ली है और इन चारों उप चुनावों में पार्टी की शानदार जीत होगी। राठौर ने कहा कि आज देश मे पेट्रोल 104 रुपए और डीज़ल 100 रुपये प्रति लीटर पार कर गया है।भाजपा ने इस बढ़ती महंगाई पर से अपनी आंखे मूंद रखी है।उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी दो ऐसे मुद्दे है जिन से आम लोग त्रस्त है। राठौर ने चुनाव आयोग से आदर्श आचार संहिता के कड़ाई से लागू करने व सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग पर कड़ी नज़र रखने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी इस पर अपनी नज़र रखें हुए है पर चुनाव आयोग को निष्पक्ष ढंग से अपने संवेधानिक दायित्व का पालन करना चाहिए।
कुल्लू : कृषि उपनिदेशक पंजवीर सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा रबी सीजन 2021-22 में फसलों के बीमा के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके अनुसार जिला कुल्लू में किसान अपनी गेहॅं, जौ तथा लहसुन की फसलों का बीमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि गेहूं की फसल के लिए कुल फसल का बीमा 30 हजार प्रति हैक्टेयर के लिए प्रीमियम 36 रूपए प्रति बीघा तय किया गया है। किसान एग्रीकल्चर इंश्योरैंस कंपनी द्वारा 15 दिसम्बर बीमा करवा सकते हैं। इसी प्रकार जौ की फसल के लिए कुल फसल का बीमा 25 हजार प्रति हैक्टेयर के लिए 30 रूपए प्रति बिघा प्रीमियम तय किया गया है। इसमें भी किसान 15 दिसम्बर तक अपनी फसल का बीमा करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त लहसुन की फसल के लिय किसान 14 दिसम्बर तक एसबीआई जनरल इंश्योरैंस कम्पनी के माध्यम से बीमा करवा सकते हैं। इसके लिए कुल फसल का बीमा 75 हजार रूपए प्रति हैक्टेयर के लिए किसान को 300 रूपए प्रति बिघा प्रीमियम अदा करना होगा। उन्होंने जिला कुल्लू के समस्त किसानों से आग्रह किया है कि वे अपनी फसल का बीमा उपरोक्त कम्पनी से अंतिम तिथि से पहले करवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए खंड के विषयवाद विशेषज्ञ, कृषि विकास अधिकारी, कृषि प्रसार अधिकारी एवं बीमा करवाने के लिए उपरोक्त कंपनियों से संपर्क कर सकते हैं।
केलांग: लाहौल-स्पीति जिले की भौगोलिक परिस्थितियों और आने वाले सर्दी के मौसम के दृष्टिगत उपायुक्त नीरज कुमार ने एक आदेश जारी करते हुए समूचे जिले में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण से जुड़ी गतिविधियों पर प्रतिबंधित लगा दिया है। जारी किए गए आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के शौकीन अक्सर इस मौसम में भी जिले का रुख करते हैं। चूंकि इस मौसम के दौरान कभी भी मौसम प्रतिकूल हो सकता है और ट्रैकर या पर्वतारोही की जान के लिए खतरा भी पैदा हो सकता है। ऐसे में खोज एवं बचाव अभियान को अंजाम देने में भी कई तरह की दुश्वारियां रहती हैं। इन परिस्थितियों के मद्देनजर उपायुक्त ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 34 के तहत यह आदेश जारी किए हैं जो आगामी आदेश तक जारी रहेंगे। आदेश की अवहेलना होने की सूरत में नियमानुसार कार्रवाई भी हो सकती है। आदेश की प्रति पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है ताकि जिले में प्रवेश करने वाले ट्रैकर या पर्वतारोहियों पर निगरानी रखी जा सके। बावजूद इसके यदि कोई व्यक्ति जिले में ट्रैकिंग या पर्वतारोहण करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा सके। उपायुक्त ने पंचायती राज प्रतिनिधियों, महिला मंडलों और युवक मंडलों से भी आग्रह किया है कि यदि उनके क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों का पता चलता है तो तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचित किया जाए।
सदर थाना हमीरपुर के तहत झनियारा पंचायत के डिब गांव में दो गुटों में मारपीट की घटना सामने आई है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। इस घटना में डिब निवासी प्रीतम को गंभीर चोटें लगी है जिसका मेडिकल करवाने के बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि पेड़ काटने को लेकर यह विवाद हुआ है जिसके बाद गांव के दोनों परिवारों में मारपीट हुई है। घटना के बाद सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर केस दर्ज कर लिया है।और पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी है।
हिमाचल प्रदेश विद्युत परिषद के दाड़लाघाट व नम्होल यूनिट के महासचिव प्रेम केशव द्वारा जारी प्रेस बयान में कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश विद्युत परिषद की पचासवीं वर्षगांठ के उपलक्ष में शिमला पीटर हाफ के समायोजन में बोर्ड के कर्मचारियों व सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन के मुख्य अतिथि विद्युत मंत्री सुखराम चौधरी रहे। विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष खरवाड़ा द्वारा कर्मचारियों की विभिन्न मांगों का विवरण बिजली मंत्री के समक्ष रखा गया तथा मंत्री द्वारा मांगों के पक्ष में भरोसा जताया गया। इस मौके पर बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन के पूर्व महामंत्री एवं वर्तमान सेवानिवृत्त कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव चंद्र सिंह मंडयाल द्वारा प्रदेश सरकार से 65-70 व 75 वर्ष पूरे करने वाले कर्मचारियों को 5-10 व 15% भत्ते को उनकी बेसिक पेंशन में समाहित करने का आग्रह किया गया। इस वर्षगांठ में मनीराम ठाकुर, प्रेम केशव, धनीराम शर्मा, तुलसीराम, ध्यान सिंह, नंदलाल शर्मा, प्रेमलाल, जगत प्रसाद, अशोक शर्मा, जगन्नाथ, नरोत्तम ठाकुर, परसराम सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया गया।
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत जिला सिरमौर में नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवियों ने पंचायत प्रतिनिधियों व स्थानीय प्रशासन के सहयोग से 1अक्टूबर से अब तक जिला के 75 पंचायतों सहित एमसी क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यक्रम चलाकर 1000 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक व सूखा कचरा एकत्रित किया गया है। यह जानकारी जिला युवा अधिकारी अनिल डोगरा ने दी। उन्होंनेे बताया की जिला सिरमौर में स्वच्छ भारत अभियान स्वच्छ सिरमौर कार्यक्रम के शुभारम्भ के बाद अब तक 75 पंचायतों में स्वच्छता का कार्यक्रम चलाया गया है। जिसके अंतर्गत शिलाई में 18 पंचायतों, पच्छाद में 12, संगडाह में 12, राजगढ़ 15, नाहन 9 व पावंटा विकासखण्ड के 9 पंचायतों में स्वच्छता कार्यक्रम चलाया गया है। इसके अतिरिक्त जिला के एमसी क्षेत्रों में भी स्वच्छता का कार्यक्रम चलाया गया है। इस कार्यक्रम के अर्न्तगत एमसी क्षेत्रों में 27 कूड़े के ढेर वाले हॉटस्पॉट का चयन किया गया है। जिसमें से 5 हॉटस्पॉट की सफाई करवाई गई है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही जिला के सभी पंचायतों व सभी चयनित हॉटस्पॉट वाले क्षेत्रों कोे भी प्लास्टिक मुक्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत जिला प्रशासन के सहयोग से नेहरू युवा केंद्र भारत के सभी जिलों में केंद्र सरकार के योजनाओं को जिला के युवक मंडल और महिला मंडलों के सहयोग से कार्यान्वित करता है। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर में लगभग 150 से अधिक पंजीकृत युवक मंडल जिसमें 2,000 से अधिक स्वयंसेवी इस स्वच्छ भारत अभियान में कार्य कर रहे है। उन्होंने बताया कि इस स्वच्छ सिरमौर अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना है, जिसके लिए लोगों को संगठित करना और स्वच्छ भारत पहल में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
विश्व शिक्षक दिवस के शुभ अवसर पर रेडियो मेरी आवाज़ के द्वारा टीचर्स ग्लोबल अवार्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया I इस वर्चुअल कार्यक्रम में देश-विदेश के शिक्षकों की सहभागिता रहीl शिक्षकों को उनके शिक्षण कार्य के अंतर्गत सम्मानित किया गया l इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ जीत राम भट्ट, सचिव हिंदी अकादमी, दिल्ली सरकार डॉ माधुरी रामधारी, उप महासचिव विश्व हिंदी सचिवालय मॉरीशस, पद्मश्री विजय कुमार शाह महाराष्ट्र, डॉक्टर ज्योतिर्मया ठाकुर यूनाइटेड किंग्डम एवं डॉ भावना को और ऑस्ट्रेलिया संस्था की संस्थापिका समृद्धि , संस्था के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अमित, संरक्षिका स्मृति एवं सचिव विदेश मीनल एवं सचिव भारत सृष्टि चौधरी उपस्थित रहे l देश विदेश से 30 अध्यापकों को इस अवार्ड के लिए चयनित किया गया। जबकि हिमाचल से 25 आधिकारियो को स्मार्ट एजुकेशन ऑफिसर अवार्ड भी दिया गया है। सम्मानित शिक्षकों में राजगढ़ की पायल तोमर शमिल रही l इसके साथ ही ऋषिपाल शर्मा, प्रधानाचार्य डाइट, सिरमौर व रोहित वर्मा, प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटला बड़ोग, सिरमौर को स्मार्ट एजुकेशन ऑफिसर अवार्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मीनल शाह देवरा ने कार्यक्रम के उद्देश्य का संक्षिप्त परिचय देते हुए आरम्भ किया। तत्पश्चात रेडियो मेरी आवाज़ का सक्षिप्त परिचय अमित चौधरी ने एवं शैक्षिक आगाज़ का संक्षिप्त परिचय, एवं स्वागत श्रीमती स्मृति चौधरी ने किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ जीत राम भट्ट( मुख्य अतिथि) द्वारा शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला गया l पद्मश्री डॉ विजय कुमार शाह ने अपने वक्तव्य में गुरु शिष्य के सम्बन्धो के महत्व पर प्रकाश डाला l कल्पना द्वारा कार्यक्रम को सम्बोधित किया गया एवं सम्मानित शिक्षकों का सम्मान विश्व शिक्षक दिवस के शुभ अवसर पर रेडियो मेरी आवाज़ के द्वारा टीचर्स ग्लोबल अवार्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया I कार्यक्रम में देश विदेश के शिक्षकों की सहभागिता रही l शिक्षकों को उनके शिक्षण कार्य के अंतर्गत सम्मानित किया गया l
पितरों के श्राद्ध खत्म होने के उपलक्ष पर डेरा बाबा हरी चंद्र शाह दरबार के गद्दी नशीन राकेश शाह ने बुधवार को ऊना कमल बाबा के दरबार में गौ कथा का आयोजन किया गया। इस मौके पर कथा वाचक राकेश शाह ने लोगों से गौ सेवा के लिए कहा और साथी ही गौ माता के महत्व को समझाया।
भारतीय जनता पार्टी अर्की मंडल के कुनिहार जोन की बैठक कार्यालय एवर ग्रीन होटल में जोन प्रभारी इन्दर पाल शर्मा कि अध्यक्षता में हुई, जिसमे स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इंदरपाल शर्मा ने बताया कि कल वीरवार को इस जोन के प्रभारी शिलाई विधान सभा के पूर्व विधायक तथा खाद्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष बलदेव तोमर की अध्यक्षता में बैठक होगी। जिसमें इस जोन के ग्राम केंद्र अध्यक्ष, बूथो के अध्यक्ष, पालक व बीएलए भाग लेंगे। बैठक में 8 अक्तूबर को प्रत्याशी के नामांकन सहित, चुनाव के आगामी कार्यक्रमों की रुप रेखा तैयार की जायेगी। बुधवार की बैठक में मंडल के अध्यक्ष देवेंदर कुमार शर्मा, जिला महामंत्री अमर सिंह परिहार, जिला सचिव सुरेश जोशी, ग्राम केंद्र प्रभारी, हरजिंदर ठाकुर, अशोक ठाकुर, बूथ अध्यक्ष प्रीतम जोनी, राजिंदर ठाकुर, नवनीत शर्मा, अध्यक्ष बीएलए योगेन्दर्मोहंन, दलीप कुमार, देवीचंद, ओंम प्रकाश गर्ग, आरपीजोशी, जय प्रकाश शर्मा, उमा देवी, विद्या देवी आदि उपस्थित रहे।
नादौन में आयोजित की जा रही ऑल इंडिया रिवर राफ्टिंग मैराथन सीरीज के तीसरे दिन महिलाओं ने काफी दमखम दिखाया। हाल में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली स्थानीय युवतियों ने भी ब्यास की लहरों पर रोमांच एवं जोश भरे इस मुकाबले में वायु सेना की नामी टीम को पीछे छोड़ते हुए छठा स्थान हासिल किया। बुधवार सुबह आयोजित महिलाओं की इस मैराथन स्पर्धा में देश भर की 10 टीमों ने भाग लिया। जिला पर्यटन विकास अधिकारी रवि धीमान ने बताया कि इस स्पर्धा में बीएसएफ की टीम ने 57 मिनट 45 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। आईटीबीपी की टीम-ए ने दूसरा, आईटीबीपी की टीम-बी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। हैदराबाद की टीम चौथे, अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबंधित खेल संस्थान मनाली की टीम-ए पांचवें और स्थानीय युवतियों की टीम ‘जाल’ छठे स्थान पर रही। भारतीय वायु सेना सातवें, स्थानीय अल्टीमेट एडवेंचर कैंप आठवें, पौंग डैम की टीम नौंवें और अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबंधित खेल संस्थान मनाली की टीम-बी दसवें स्थान पर रही। रवि धीमान ने बताया कि स्थानीय युवतियों की टीम ‘जाल’ और अल्टीमेट एडवेंचर कैंप की टीम ने पहली बार इस तरह की प्रतियोगिता में शिरकत करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। इन युवतियों को पर्यटन विभाग ने हाल ही में प्रशिक्षण प्रदान किया है। उन्होंने बताया कि विभाग ने नादौन क्षेत्र के 100 युवक-युवतियों को रिवर राफ्टिंग का प्रशिक्षण दिया है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन ने सभी प्रबंध किए हैं। इनके अलावा सेफ्टी और रेस्क्यू से संबंधित आवश्यक प्रबंधों के लिए योल कैंट स्थित सैन्य प्रबंधन ने थल सेना का एक बचाव दल तैनात किया। होमगार्ड का भी एक बचाव दल और अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबंधित खेल संस्थान मनाली की टेक्निकल टीम भी तैनात की गई है। उधर, द इंडियन राफ्टिंग फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं इस प्रतियोगिता के रेस डायरेक्टर शौकत पाल सिंह ने बताया कि वीरवार को मिक्सड मैराथन का मुकाबला होगा, जिसके लिए 16 टीमों ने अपना पंजीकरण करवाया है। यह मुकाबला सुबह 8 बजे आरंभ होगा। उन्होंने बताया कि नादौन में पहली बार आयोजित की जा रही इस प्रतियोगिता में जहां देश भर की प्रसिद्ध टीमें भाग ले रही है, वहीं स्थानीय युवा भी काफी जोश दिखा रहे हैं।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में राष्ट्रीय सेवा योजना के सदस्यों ने सफाई अभियान चलाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम प्रभारी प्रकाश चंद बट्टू एवं अनीता कौंडल की देखरेख में चलाया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर की साफ सफाई की तथा विद्यालय की बाहरी दीवार पर उगी हुई झाड़ियों व अवांछित उगी घास को भी उखाड़ कर नष्ट किया। उन्होंने विद्यालय परिसर से कूड़ा कचरा एकत्रित कर उसका निष्पादन भी किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के सभी सदस्यों ने विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने की शपथ भी ली। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने स्वयंसेवकों को सफल कार्यक्रम का आयोजन करने के लिए बधाई दी।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सोलन कृतिका कुलहरी की उपस्थित में आज 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के उप निर्वाचन के लिए इलैक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीन तथा वीवीपैट मशीनों की रेडेंमाइजेशन प्रक्रिया पूर्ण की गई। पूरी प्रक्रिया विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूर्ण की गई। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रेंडेमाइजेशन की पूर्ण प्रक्रिया को निर्वाचन आयोग के साॅफ्टवेयर द्वारा पूरा किया गया। पूरी प्रक्रिया कम्पयूटरीकृत है। उन्होंने कहा कि पूर्ण प्रक्रिया में सभी निर्देशों का पालन करते हुए और पारदर्शी तरीके से कार्य पूर्ण किया गया। निर्वाचन विभाग सोलन के पास उपलब्ध 303 बैलेट यूनिट, 300 कन्ट्रोल यूनिट तथा 295 वीवीपैट मशीनों की रेंडेमाइजेशन प्रक्रिया की गई। इनमें से 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव के लिए 216 बैलेट यूनिट, 216 कन्ट्रोल यूनिट व 231 वीवीपैट मशीनें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं तहसीलदार अर्की को सौंपी गई। भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी मशीनें पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ सौंपी गई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की सोलन इकाई के उपाध्यक्ष चन्द्रकान्त शर्मा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जिला सचिव शिवदत्त ठाकुर, भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के जिला सचिव अनूप पराशर, अतिरिक्त उपायुक्त सोलन ज़फ़र इकबाल, उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, तहसीलदार गुरमीत नेगी, तहसीलदार निर्वाचन सोलन राजेन्द्र शर्मा, निर्वाचन विभाग सोलन के अधीक्षक राजेश शर्मा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
मरम्मत कार्य के चलते हमीरपुर उपमंडल की मोहीं-दरकोटी सडक़ पर वाहनों की आवाजाही 14 अक्तूबर तक बंद कर दी गई है। इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश देबश्वेता बनिक ने बताया कि मोहीं-दरकोटी सडक़ के मरम्मत कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने तथा इसे अतिशीघ्र पूरा करने के लिए इस सडक़ पर यातायात 14 अक्तूबर तक बंद किया जा रहा है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक ककडिय़ार-कालेअंब सडक़ से आवाजाही कर सकते हैं।
औद्योगिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी में एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग विषय के लेक्चरर का एक पद पीरियड के आधार पर सीधे साक्षात्कार से भरा जाएगा। महाविद्यालय डीन के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इसके साक्षात्कार 7 अक्तूबर को सुबह 11 बजे से आरंभ होंगे। आवेदक एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग या फॉरेस्ट इंजीनियरिंग अथवा मैकेनिकल इंजीनियरिंग में एमटेक होना चाहिए तथा उसने नेट या सेट पास किया हो। पीएचडी डिग्री धारक को नेट-सेट में छूट मिल सकती है। चयनित उम्मीदवार को प्रति घंटा 1000 रुपये और प्रतिदिन अधिकतम 3000 रुपये मानदेय मिलेगा। साक्षात्कार के समय आवेदक अपने सभी दस्तावेजों की मूल प्रतियां और फोटो प्रतियां साथ लाएं। साक्षात्कार के लिए किसी भी उम्मीदवार को अलग से पत्र नहीं भेजे जाएंगे और न ही साक्षात्कार में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को कोई टीए-डीए दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए महाविद्यालय के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
मंडी संसदीय क्षेत्र में लोकसभा की सीट के लिए उपचुनाव कांग्रेस बीजेपी के लिए साख का सवाल बन गया है। कांग्रेस ने मंडी से प्रतिभा सिंह को मैदान में उतारा है। वन्ही बीजेपी अभी टिकट पर फैसला नही कर पाई है। टिकट मिलने के बाद प्रतिभा सिंह ने होलीलोज से जीत की हुंकार भर दी है। प्रतिभा का कहना है कि उन्हें विस्वास है कि जनता उन्हें वीरभद्र के विकास कार्यों के नाम पर वोट देगी। 8 अक्टूबर को नामांकन के बाद चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया जाएगा। प्रतिभा सिंह ने कहा कि टिकट के लिए वह हाई कमान की आभारी है। उन्होंने कहा कि जनता के आश्वासन के बाद वह चुनाव मैदान में उतरी है। वीरभद्र सिंह के जाने से उनके परिवार को बड़ा आघात पहुंचा है लेकिन उनके किये विकास के कामों को लेकर जनता के बीच जाएगी। वीरभद्र अब नही है लेकिन उनके नाम के सहारे चुनाव लड़ा जाएगा। प्रतिभा सिंह ने कहा कि महंगाई व बेरोजगारी आज चरम पर है। इन मुद्दों को लेकर वह जनता के बीच जाएगी। वीरभद्र सिंह ने हिमाचल का विकास किया है। उनके कामो को देखते हुए जनता अपना आशीर्वाद देगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हिमाचल की तो बात छोड़ो मंडी का विकास भी नही कर पाए है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा को मंडी में कोई चुनौती नही मानती। केंद्र की मोदी सरकार दो बार महंगाई व बेरोज़गारी के मुद्दों पर सत्ता में आई है लेकिन उनकी सरकार उम्मीदों पर खरा नही उतर पाए हैं। इसलिए जनता उन्हें अपना आशीर्वाद अवश्य देगी। वन्ही इस दौरान विक्रमादित्य ने कहा जब बीजेपी मोदी के नाम पर वोट मांग सकती है तो वह भी वीरभद्र सिंह के द्वारा किए गए विकास कार्यों के नाम पर श्रधांजलि के रूप में वोट मांग सकते है। उन्होंने कहा कि वह अतीत की बुनियाद पर भविष्य का निर्माण करना जानते है। कांग्रेस पार्टी ने जो विकास कार्य किए है उनको जनता के बीच मे ले जाकर जीत को सुनिश्चित किया जाए।
निजी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता जांचने के लिए गठित टीमों के काम में बाधा पहुंचाने वालो के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हिमाचल प्रदेश के 451 निजी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों है। हिमाचल हाईकोर्ट की वर्ष 2014 में आई जजमेंट के आधार पर राज्य शिक्षण संस्थान विनियामक आयोग ने मंगलवार से जांच शुरू कर दी है। कुछ संस्थानों पर पैसा लेकर विद्यार्थियों को नकल करवाने और विद्यार्थियों से निजी कार्य करवाने का आरोप भी है। जांच के लिए आयोग की टीम प्रदेश के दौरे पर निकल गई है। जांच टीम में शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारियों को शामिल किया गया है। संस्थानों की जांच के लिए आयोग के एक्ट की धारा नौ के तहत कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई संस्थान जांच टीम को अपने परिसर में प्रवेश करने से रोकता है या जांच में सहयोग नहीं करता है तो ऐसे संस्थानों के खिलाफ कोर्ट की अवमानना का केस चलाया जाएगा। कुछ संस्थानों ने सरकार के नियम-कानून ताक पर रख दिए हैं। पैसा लेकर नकल करवाने की शिकायतें भी आयोग के पास आई हैं। ऐसे में अब सख्ती बरतने का समय आ गया है।
पुलिस थाना आनी के अन्तर्गत्त एनएच 305 पर खनाग के समीप एक ऑल्टो कार खाई में लुढ़क गयी। दुर्घटना में चालक की मौत हो गई और सवार 4 अन्य युवतियों के घायल होने की सूचना है। जानकारी के अनुसार काले रंग की टेम्पोररी नम्बर की ऑल्टो कार चालक और 4 अन्य लड़कियों समेत आनी से खनाग की ओर जा रही थी कि खनाग से एक किलोमीटर पहले टांगानाला के पास कार अनियन्त्रित होकर सड़क से खाई में करीब 200 मीटर नीचे जा लुढ़की। स्थानीय लोगों की मदद से कार दुर्घटना में घायल सभी लोगों को निकाला गया। दो घायल युवतियों और गंभीर रूप से घायल चालक को निजी वाहनों में सिविल अस्पताल आनी पहुंचाया गया। बीएमओ आनी डॉ भागवत मेहता ने बताया कि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल कार चालक साहिल ( 23) पुत्र हंस राज निवासी बराण्डी ने अस्पताल लाते समय रास्ते मे ही दम तोड़ दिया था तथा चवाई के धार गांव की शालू और लफाली गांव की अंकिता को खनाग अस्पताल में ही प्राथमिक उपचार दिया गया। जिन्हें खनाग में प्राथमिक उपचार के बाद 108 एम्बुलेंस में सिविल अस्पताल आनी लाया गया। जबकि दुर्घटना में घायल चवाई के धार गांव की ही हिमानी और मुस्कान को आनी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है।
मंडी लोकसभा क्षेत्र और 3 विधानसभा क्षेत्रों अर्की, फतेहपुर व जुब्बल कोटखाई में होने जा रहे उपचुनावों के दृष्टिगत कांग्रेस ने पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला की ओर से मंजूरी दी गई है। मंडी लोकसभा के लिए कौल सिंह ठाकुर, आशा कुमारी, सुखविंदर सिंह सुक्खू, गंगू राम मुसाफिर, सुधीर शर्मा, कुलदीप पठानिया, इंद्रदत्त लखनपाल, विनय कुमार, संजय रत्न, विक्रमादित्य सिंह, बंबर ठाकुर व आश्रय शर्मा शर्मा को नियुक्त किया गया है। वंही फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए जीएस बाली, चंद्र कुमार, राजेंद्र राणा, कुलदीप कुमार, पवन काजल, सुरेश चंदेल, देविंद्र सिंह जग्गी, करन पठानिया व विशाल चम्बियाल को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। विप्लव ठाकुर, हर्षवर्धन चौहान, अनिरुद्ध सिंह, मोहन लाल ब्राक्टा, सोलन लाल, सुरेश कुमार व मनीष ठाकुर की नियुक्ति जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के लिए की गई है। अर्की विधानसभा क्षेत्र में धनी राम शांडिल, रामलाल ठाकुर, हर्ष महाजन, लखविंद्र राणा, राम कुमार ,इंद्रदत्त लखनपाल, राजेश धर्माणी, सतपाल रायजादा, विनोद सुल्तानपुरी, अजय सोलंकी, अमित नंदा, पीसीसी कंट्रोल रूम, केवल पठानिया, महेश्वर चौहान, हरि कृष्ण हिमराल, दीपक शर्मा, यशपाल तनिक, सुशांत कपरेट, वेद प्रकाश व वलदेव ठाकुर को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सभी सीटों पर पर्यवेक्षकों के बीच पूरे समन्वय को देखेंगे और प्रदेश कांग्रेस संगठन एवं प्रशासन महासचिव रजनीश किमटा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सीएलपी नेता को पर्यवेक्षकों और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी प्रभारी के साथ समन्वय करने में सहायता करेंगे।
विद्युत उपमंडल लंबलू के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों के उपभोक्ताओं को अपने बिजली के बिल जमा करने के लिए 13 अक्तूबर तक का समय दिया गया है। सहायक अभियंता निखिल ठाकुर ने सभी उपभोक्ताओं से 13 अक्तूबर तक बिल जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तिथि तक बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं की बिजली किसी पूर्व सूचना के बगैर ही काट दी जाएगी। सहायक अभियंता ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
लाइनों की आवश्यक मरम्मत के चलते बिजली बोर्ड विश्राम गृह, विद्युत उपमंडल-1 कार्यालय, घरियाणा बसंदा, प्रताप होटल, हीरानगर, गंदा नौण, पक्का भरो, कृष्णानगर, हिम अकादमी स्कूल हीरानगर, श्यामनगर, आयकर विभाग कार्यालय, मटाहणी, गोपालनगर, एडीआर सेंटर और साथ लगते क्षेत्रों में 7, 9, 11, 13, 16, 18, 21, 23, 25, 27 और 29 अक्तूबर को सुबह साढे नौ से शाम साढे पांच बजे तक बिजली बाधित रहेगी। विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर के सहायक अभियंता अश्वनी पुरी ने इस दौरान उक्त क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
पंजाब के सरहिंद स्थित मैसर्स सिक्योरिटी एंड इंटेलीजेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड सिक्योरिटी गार्ड के 200 पद भरने जा रही है। इन पदों के लिए उप रोजगार कार्यालय बड़सर में 7 अक्तूबर को और उप रोजगार कार्यालय भोरंज में 8 अक्तूबर को सुबह साढे दस से साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुधा सूद ने बताया कि 21 से 37 वर्ष तक की आयु के कम से कम दसवीं पास पुरुष अभ्यर्थी साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 12,500 से 16,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। सुधा सूद ने बताया कि सभी पात्र अभ्यर्थियों को उनके मोबाइल नंबर पर साक्षात्कार की सूचना भेज दी गई है। यदि किसी अभ्यर्थी को उनके मोबाइल नंबर पर सूचना नहीं मिली हो और वह उपरोक्त योग्यता रखता हो तथा उसका नाम किसी भी रोजग़ार कार्यालय में पंजीकृत हो तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों, दो पासपोर्ट साइज़ फोटोग्राफ व हिमाचली स्थायी निवासी प्रमाण पत्र के साथ निर्धारित तिथियों को साक्षात्कार में भाग ले सकता है। जिला रोजगार अधिकारी ने सभी उम्मीदवारों से कोरोना महामारी के संदर्भ में हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना करने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए आवेदक जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष संख्या 01972-222318 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
अभी स्कूलों में तीन दिन ही दो-दो कक्षाओं के विद्यार्थी बुलाए जा रहे हैं। लेकिन हिमाचल प्रदेश सरकार अगले सप्ताह से 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों की कक्षाएं रोजाना लगाने कि तैयारी कर रही है। इस संधर्व में शिक्षा विभाग ने 11 अक्तूबर से 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को रोजाना स्कूल बुलाने का प्रस्ताव तैयार किया है और इसे सरकार की मंजूरी लेने के लिए भेजा जाएगा। उधर, पहली से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्कूल बुलाने पर दशहरे के बाद फैसला होगा। सरकारी स्कूलों में आठ अक्तूबर तक पहली से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों की ऑनलाइन परीक्षाएं होनी हैं। 9 और 10 अक्तूबर को सरकारी अवकाश है। इसके बाद 15 अक्तूबर को दशहरा है। ऐसे में बहुत कम संभावना है कि सरकार पहली से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को दशहरे से पहले स्कूलों में बुलाए। उधर, प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में पंचायतीराज चुनाव के चलते स्थगित हुई परीक्षाओं का आयोजन 11 अक्तूबर से होगा। अब इन क्षेत्रों में परीक्षाओं के लिए शेड्यूल जारी हो गया है।
देश के प्रथम धरोहर गांव परागपुर के प्रसिद्ध नौंण नक्की मेले की तिथि को बदल कर इस बार 15 अक्टूबर कर दिया गया है। पहले नक्की मेला 11 तरीक को मनाया जाता था। तिथि में तबदीली कर इस वर्ष मेला 15 तरीक को तय हुआ है। मेला कमेटी चेयरमैन पण्डित चेतराम शर्मा ने बताया कि 15 तरीक को होने जा रहे विशाल दंगल में मोनू दिल्ली बनाम, अमृतपाल पंजाब, सोनू लंबा नाला बनाम छोटा गन्नी होशियारपुर, विकास खन्ना बनाम बब्बू प्रागपुरिया, दीप मुल्लापुरबनाम दीपक बणी जैसे देश के नामी पहलवान इस दंगल में भाग लेंगे। वही मेला कमेटी के नवनियुक्त सचिव मुकेश सोनी ने बताया कि मेले में आने वाले पहलवान 9816177890 पर अपनी भागीदारी सुनिशचित करवा सकते है।
सिरमौर जिला रोनहाट क्षेत्र की कोटी-बोंच पंचायत के बोंच गावँ रहने वाले आयुष ठाकुर का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार के लिए हुआ है। आयुष ठाकुर इससे पहले सनातन धर्म सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन में पढ़ाई कर रहे थे। आयुष के चयन से क्षेत्र ने खुशी की लहर है और उनके परिवार सहित स्कूल के स्टाफ ने आयुष को नवोदय में चयन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर में भाजपा की ओर से रैहन क्षेत्र में खोले गए कार्यालय के बाहर बीती रात लगाए गए पोस्टरों ने फतेहपुर की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। पोस्टरों में भाजपा की टिकट की दौड़ में सबसे आगे चल रहे पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल परमार की फोटो के साथ साफ शब्दों में लिखा है कि फतेहपुर की जनता करे पुकार, अब की बार चक्की पार, चक्की पार। ऐसे पोस्टर कुछ समय पहले भी रैहन क्षेत्र में लगाए गए थे। अब रातों रात लगाए गए पोस्टरों से कुछ लोगों का दिन का चैन जरूर उड़ा रखा है। रंगीन पोस्टर में प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल परमार के फोटो के साथ लिखा है कि कृपाल परमार गो बैक, गो बैक बाहरी व्यक्ति नहीं चलेगा - नहीं चलेगा, अबकी बार चक्की पार, चक्की पार। लेकिन इस पोस्टर के साथ किसी भी संस्था, संगठन या व्यक्ति ने अनपा नाम नहीं दिया है। न ही इन पोस्टरों में प्रिंटिंग करने वाली प्रेस का कोई नाम है। रातों रात लगे पोस्टर लोगों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। पोस्टर ठीक उस वक्त लगे हैं जब भाजपा में टिकटों की घोषणा होनी है और कृपाल परमार भाजपा की टिकट सूची में सबसे आगे माने जा रहे हैं। विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में लगे इन पोस्टरों से एक राजनीतिक हलचल व उबाल पैदा हो गया है।
शिमला :कांग्रेस हाईकमान ने हिमाचल प्रदेश में मंडी लोकसभा व तीन विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। मंडी लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी व पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह को मैदान में उतारा गया है। वहीं, अर्की विधानसभा सीट से संजय अवस्थी, जुब्बल-कोटखाई से रोहित ठाकुर और फतेहपुर सीट से भवानी सिंह पठानिया को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की मंजूरी के बाद पार्टी महासचिव व केंद्रीय चुनाव समिति के प्रभारी मुकुल वासनिक ने उम्मीदवारों की सूची जारी की है।
मंगलवार को कुल्लू विशेष अन्वेषण शाखा की एक टीम बंजार क्षेत्र में औचक नाकाबंदी पर मौजूद थी। इस दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक गाड़ी नंबर PB10CZ-9124, Alto 800 गाड़ागुसैनी से बंजार की ओर को आ रही है, जिसमें चरस होने का अंदेशा है। शक के आधार पर पुलिस टीम ने थरिम्बला मे नाकाबंदी के दौरान उक्त गाड़ी को धरदबोचा व गाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर से 373 ग्राम चरस बरामद हुई है। गाड़ी में तीन व्यक्ति बैठे हुए थे। तीनो से पूछताछ बाद के उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों कि पहचान विपिन कुमार पुत्र प्रेम दास निवासी गाँव व्याड, तहसील बड्सर जिला हमीरपुर,उम्र 38 वर्ष, राजन शर्मा पुत्र जैसीराम गांव गोइटा, डाकघर, गुमारली तहसील बड्सर, जिला हमीरपुर 34 वर्ष व सौरभ पुत्र राजेश गांव-जन्द्रांन तहसील बड्सर जिला हमीरपुर उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने आज मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करें ताकि जिले में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निवार्चक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) पर चर्चा करते हुए सभी विभागाध्यक्षोें को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग के कर्मचारियों को मतदान के लिए प्रेरित करें साथ ही अन्य को भी जागरूक करें। उन्होंने शिक्षकों को भी निर्देश दिए कि वे ऑनलाइन पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों के अभिवावकों को भी मतदान के प्रति जागरूकता संदेश भेजें ताकि अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उपायुक्त ने कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी बनती है कि लोकतंत्र के महापर्व मतदान वाले दिन सभी अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने बताया कि भारत निवार्चन आयोग ने 80 वर्ष से उपर की आयु के मतदाता यदि चाहें तो वे पोस्टल बैलेट से मतदान कर सकते हैं जिसके लिए फाॅर्म नं-12 बनाया गया है तथा संबंधित बी.एल.ओ घर जाकर ऐसे मतदाताओं की सहमति लेगा। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार की सुविधा दिव्यांगजनों को भी दी गई है। वे भी पोस्टल बैलेट पेपर से मतदान कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए निवार्चन विभाग द्वारा एक टीम का गठन किया जाएगा जो पोस्टल बैलेट संबंधी सभी औपचारिकताएं पूर्ण करेंगे। आबिद हुसैन सादिक ने कहा कि कोविड पाॅजिटिव मतदाता भी पोस्टल बैलेट से मतदान कर सकेगा और यदि वे मतदान केंद्र पर ही मतदान करना चाहतें हैं तो वह सभी मतदाताओं के मतदान के बाद या 5 बजे के बाद अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। उन्होंने नेहरू युवा केंद्र के वाॅलयन्टियर्ज से भी आग्रह किया कि वे राष्ट्रव्यापी क्लीन इंडिया सेफ इंडिया अभियान के साथ-साथ लोगों को मतदान के प्रति भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को जागरूक करने के लिए महाविद्यालय व स्कूली स्तर पर क्विज व अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
जिला निर्वाचन एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी ने राजनीतिक दलों एवं उम्मीदवारों से आदर्श आचार संहिता की अनुपालना का आग्रह किया है। कृतिका कुलहरी ने कहा कि 30 अक्तूबर को सोलन जिला के 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन के लिए भारत के निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता की अनुपालना सभी के लिए आवश्यक है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान कोई भी उम्मीदवार अथवा दल ऐसा कोई भी कार्य नहीं कर सकता जिससे विभिन्न जातियों, धार्मिक अथवा भाषायी समुदायों के मध्य तनाव उत्पन्न होता हो। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता के अनुसार अन्य राजनीतिक दलों की आलोचना केवल नीतियों, कार्यक्रमों, पूर्व रिकाॅर्ड एवं कार्यों तक सीमित होनी चाहिए। उम्मीदवार एवं दल अन्य दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के निजी जीवन की आलोचना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान जातिगत अथवा साम्प्रादायिक आधार पर मत प्राप्त करने की अपील नहीं की जा सकती। चुनाव प्रचार के लिए मंदिर, मस्ज़िद, गिरिजाघर अथवा अन्य किसी पूजा स्थल का उपयोग नहीं किया जा सकता। चुनाव प्रचार के लिए लाउड स्पीकर का प्रयोग प्रातः 6.00 बजे से रात्रि 10.00 बजे तक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सम्बन्धित अधिकारियों से अनुमति अनिवार्य है। कृतिका कुलहरी ने कहा कि आदर्श आचार संहिता के अनुरूप सभी राजनीति दलों एवं उम्मीदवारों को मतदाताओं को रिश्वत देना, उन्हें उकसाना, मतदान केन्द्रों के 100 मीटर के दायरे में प्रचार करने इत्यादि से दूरी बनाकर रखनी होगी। उन्होंने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल अथवा उम्मीदवार किसी की निजी भूमि, भवन अथवा परिसर इत्यादि में भू-स्वामी की अनुमति के बिना निर्वाचन से सम्बन्धित झण्डे, बैनर, तथा नोटिस इत्यादि नहीं लगा सकता। बिना अनुमति के निजी सम्पत्ति पर नारे भी नहीं लिखे जा सकते। राजनीति दल एवं उम्मीदवार प्रस्तावित सभा इत्यादि के विषय में स्थानीय पुलिस को अग्रिम सूचना प्रदान करना सुनिश्चित बनाएं ताकि यातायात व्यवस्था तथा कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए उचित प्रबन्ध किए जा सकें। उन्होंने कहा कि यदि प्रस्तावित सभा में लाउड स्पीकर अथवा अन्य सुविधा के प्रयोग के लिए अनुमति आवश्यक है तो राजनीतिक दल अथवा उम्मीदवार इस सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारी को समय पर आवेदन करें। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में सभी अनुमतियां समय पर प्राप्त की जाएं। कृतिका कुलहरी ने कहा कि सभी को कोविड-19 से बचाव के लिए समय-समय पर जारी नियमों का पालन करना अनिवार्य है। घर-घर जाकर चुनाव प्रचार करने के लिए उम्मीदवार सहित केवल 05 व्यक्तियों के समूह को ही अनुमति प्रदान की जाएगी। कोविड-19 से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों पर नाक से लेकर ठोडी तक ढकते हुए मास्क पहनना, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करना और सेनिटाइजर का प्रयोग अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से सम्बन्धित निर्देशों की उल्लंघना पर आपदा प्रबन्धन अधिनियम-2005 की धारा 51 से 60, भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 के साथ-साथ केन्द्रीय गृह मन्त्रालय द्वारा जारी आदेशों के अनुरूप कार्रवाई की जा सकती है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 केवी बड़ोग फीडर के कार्य के दृष्टिगत 7 तथा 8 अक्तूबर को पावर हाउस रोड क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियन्ता दिनेश ठाकुर ने दी। दिनेश ठाकुर ने कहा कि इसके दृष्टिगत 7 तथा 8 अक्तूबर को प्रातः 09.00 बजे से सांय 6.00 बजे तक शिव मन्दिर सपरून, पुलिस चैकी सपरून, पावर हाउस रोड तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में विद्युत आपूर्ति अगले दिन बाधित की जाएगी। उन्होंने इस अवधि के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 126 एवं हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (सामान्य) नियम 1997 के नियम 124 के अन्तर्गत सोलन जिला के विभिन्न विकास खण्डों में ग्राम पंचायतों के निर्वाचन में निर्वाचित सदस्यों के नाम अधिसूचित कर दिए हैं। उपायुक्त द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कण्डाघाट विकास खण्ड की ग्राम पंचायत सिरीनगर के वार्ड नम्बर-5 सिरीनगर (अनारक्षित) से वार्ड सदस्य पद पर गौरव शर्मा को निर्वाचित घोषित किया गया है। धर्मपुर विकास खण्ड की ग्राम पंचायत मंधाला के वार्ड नम्बर-01 सैन्सीवाला (अनारक्षित) से वार्ड सदस्य पद पर दिनेश कुमार को निर्वाचित घोषित किया गया है। नालागढ़ विकास खण्ड की ग्राम पंचायत रडियाली के वार्ड नम्बर-06 दत्तोवाल-5 (अनारक्षित) से वार्ड सदस्य पद पर पाल सिंह को निर्वाचित घोषित किया गया है। ग्राम पंचायत किशनपुरा के वार्ड नम्बर-06 किशनपुरा-1 (अनुसूचित जाति महिला) से वार्ड सदस्य पद पर शशि किरण, ग्राम पंचायत मलेहनी के वार्ड नम्बर-05 रजवाती (अनुसूचित जाति महिला) से वार्ड सदस्य पद पर निशा तथा ग्राम पंचायत राजपुरा के वार्ड नम्बर-05 मुसेवाल-2 (महिला) से संतोष को वार्ड सदस्य पद पर निर्वाचित घोषित किया गया है। सोलन विकास खण्ड की ग्राम शडियाणा (महिला) से प्रधान पद पर सपना को निर्वाचित घोषित किया गया है। ग्राम पंचायत पड़ग के वार्ड नम्बर-02 डढ़ोग (अनारक्षित) से रेखा को वार्ड सदस्य पद पर निर्वाचित घोषित किया गया है।
राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज यहां राज भवन में भारतीय डाक विभाग के हिमाचल प्रदेश डाक वृत द्वारा तैयार हिमाचली काला जीरा पर तैयार विशेष आवरण का अनावरण किया। डाक विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि हिमाचली काला जीरा प्रदेश के किन्नौर, लाहौल-स्पीति, पांगी और भरमौर के वनों और घास वाले ऊॅंचे पहाड़ी क्षेत्रों में उगाया जाने वाला आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण औषधीय पौधा है। उन्होंने कहा कि औषधीय गुणों के अतिरिक्त इसके बीज अपनी सुगंध और स्वाद के लिए जाने जाते हैं। इस मसाले की काफी अधिक मांग रहती है, क्योंकि काला जीरा फसल पकने के एक माह बाद ही दुकानों पर मिलना कठिन होता है। इस मौके पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, मीरा रंजन शेरिंग ने राज्यपाल को विभाग की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। निदेशक डाक, सेवाएं दिनेश कुमार मिस्त्री और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
हमीरपुर जिले में मंगलवार को रैपिड एंटीजन टैस्ट में 30 लोग कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० आरके अग्रिहोत्री ने बताया कि मंगलवार को जिला में रैपिड एंटीजन टैस्ट के लिए कुल 638 सैंपल लिए गए, जिनमें से 30 पॉजीटिव निकले। सभी जिलावासियों से ऐहतियात बरतने की अपील करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि वे मास्क का प्रयोग जारी रखें, हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखें तथा आपस में पर्याप्त दूरी बनाकर रखें। उन्होंने कहा कि जो लोग कोरोना रोधी वैक्सीन की पहली डोज़ लगवा चुके हैं, वे 84 दिन के बाद दूसरा टीका भी अवश्य लगवाएं।
यूको आरसेटी सोलन द्वारा दिए जा रहे 30 दिवसीय निःशुल्क " कंप्यूटराइज्ड एकाउंटिंग" प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफल समापन हुआ l इस 30 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम मे कुल 44 लोगों ने हिस्सा लिया था। जिसमे यूको आरसेटी द्वारा उन्हें कंप्यूटराइज्ड एकाउंटिंग ल, टैली व व्यक्तित्व विकास के अलग अलग आयामों के लिए प्रशिक्षित किया गया व स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया l इस कार्यक्रम की ट्रेनर श्रीमती कल्पना ठाकुर रही l समापन दिवस मे यूको आरसेटी निदेशक रोहित कश्यप व गोपाल बंसल मौजूद रहे l आगे जानकारी देते हुए आरसेटी निदेशक रोहित कश्यप ने बताया की स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाले इस तरह के विभिन्न कार्यक्रम यूको आरसेटी द्वारा जिला सोलन के निवासियों के लिए मुफ्त चलाये जा रहे हैं, व 5 अक्टूबर के बाद मशरुम उत्पादन, जूट बैग बनाना, अचार पापड़ बनाने के कार्यक्रम भी शुरू किये जायँगे जिसके लिए 18-45 वर्ष के इच्छुक प्रतिभागी दोहरी दीवार सुबाथु रोड पर स्थित यूको आरसेटी कार्यालय मे आकर आवेदन कर सकते है अथवा फ़ोन नंबर 01792-227936 पर भी संपर्क कर सकते हैं l
मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई के पुस्तकालय प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया। इकाई अध्यक्ष विशाल सकलानी ने कहा कि कोविड के कारण सबसे ज्यादा शिक्षा का क्षेत्र ही प्रभावित हुआ है। लगभग दो वर्ष का समय कोविड के कारण छात्रों का खराब हो गया है। दो वर्ष से विश्वविद्यालय भी बंद है और ऑनलाइन माध्यम से ही कक्षाएं चलाई जा रही हैं, साथ ही साथ पिछले 2 वर्षो में कोविड के कारण प्रतियोगी परीक्षाएं भी कम हुई है। बहुत से छात्रों का अंतिम मौका प्रतियोगी परीक्षा पास करने का है, ऐसे में छात्र वर्ग पूरी तरह से मानसिक रूप से परेशान है। जहां विश्वविद्यालय के कुछ विभागों में कक्षाएं ऑफलाइन शुरू होने वाली है, विद्यार्थियों के प्रैक्टिकल व परीक्षाएं हो चुकी है और कोविड के मामले भी कम आ रहे है। किंतु विश्वविद्यालय के पुस्तकालय में विद्यार्थियों को 50% क्षमता का पालन करते हुए बहुत से विद्यार्थियों को पुस्तकालय के बाहर दो-दो घंटे सीट पाने के लिए इंतजार करना पड़ता है। विश्वविद्यालय इकाई ने मांग की है कि विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी को जल्द से जल्द शत प्रतिशत खोल कर छात्रों को राहत देने का कार्य प्रशासन करे। विद्यार्थी परिषद ने कहा कि मांगों को जल्द से जल्द पूरा न किया गया तो आंदोलन की राह भी अपनाई जाएगी।
शिमला: भाजपा के प्रदेश कार्यालय सचिव प्यार सिंह कंवर ने कहा कि कांग्रेस ने उपचुनाव से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर राज्य में हुए विकास कार्यों से बौखला चुके हैं। यही वजह है कि आज कांग्रेस चार उपचुनावों में हार सुनिश्चत होते देख मीडिया के माध्यम से जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। राठौर द्वारा भाजपा की ओर से टिकटों में देरी होने के बयान पर पलटवार करते हुए कंवर ने कहा- हंसी की बात है कि टिकटों को लेकर वह शख्स बयान दे रहा है, जिसे कभी उसकी पार्टी ने टिकट देने लायक नहीं समझा। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस ने 30 साल तक प्रदेश की सत्ता में रहकर जो कार्य नहीं किए। उसे प्रदेश की जयराम सरकार ने चार साल में ही कर दिखाया। कांग्रेस उपचुनाव जीतने का सपना देख रही है, जो कभी भी साकार नहीं होने वाला। कोरोना काल में भी कांग्रेस ने राजनीति की, जबकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली प्रदेश की भाजपा सरकार ने कोराना संकट के दौर में भी राज्य के हर विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को रुकने नहीं दिया। इसके साथ ही कुलदीप सिंह राठौर को याद दिलाते हुए कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और प्रत्याशियों का चयन भी हर पहलुओं को देखते हुए किया जाता है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सरकाघाट के तहत बस्थला गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि डाक विभाग में बतौर डाकिया तैनात ऊषा पर उसके ससुराल वालो और ग्रामीणों ने कई आरोप लगाए हैं। जिसमे की पति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में महिला जेल में है। ससुर मेहर चंद और जेठ संजय कुमार ने बताया कि आरोपी महिला के कारण न सिर्फ उसका पति आत्महत्या करने को मजबूर हुआ, बल्कि उसकी वजह से कई लोगों की जिंदगियां भी बर्बाद हुई हैं। महिला द्वारा अपनी ड्यूटी ढंग से नहीं की गई और समय पर लोगों के कॉल लेटर, प्रमाण पत्र, रजिस्ट्रियां, पोस्ट, रसीद आदि उन तक नहीं पहुचाएं गए। महिला के पास से हजारों जरूरी कागजात मिले हैं, जो लोगों तक समय से नहीं पहुंच पाए हैं। वह 2014 से लेकर अब तक 14 स्टेशन बदल चुकी थी। इनमें नबाही, चोलथरा, रखोह, सरकाघाट, बेहना, बलद्वाड़ा, गोपालपुर, नरोला आदि जगहों पर यह तैनात हो चुकी थी। इसके पास से 1029 आधार कार्ड, ढाई हजार से अधिक स्पीड पोस्ट, कॉल लेटर, एलआई रसीद बुक, चेक बुक, प्रमाण पत्र से भरी तीन बोरियां मिली हैं। कई दस्तावेज तो खराब हो चुके हैं। उधर, विश्वकर्मी सभा गोपालपुर के पूर्व प्रधान एवं प्रदेश संयोजक एनसी भारद्वाज, ग्रामीण अमर सिंह, जगत राम आदि ने मांग की है कि इस लापरवाही कर्मचारी पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। सरकाघाट डाकघर के निरीक्षक आशीष कुमार ने कहा कि महिला कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है, जो डाक के दस्तावेज उसने अपने पास जमा कर रखे थे, उनकी जिम्मेदारी उसी कर्मचारी की है। लेकिन हम सभी दस्तावेज लोगों तक पहुंचाएंगे।
शिमला: रेड क्रॉस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं बीजेपी हिमाचल के प्रभारी अविनाश राय खन्ना द्वारा रचित पुस्तिका समाज चिंतन को विश्वविद्यालय के विभिन्न पुस्तकालयों हेतु अनुशंसित करते हुए एवं विश्वविद्यालय के समाज कार्य एवं समाजशास्त्र विभाग के पाठ्यक्रम की विषयवस्तु में सम्मिलित किया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, महामंत्री त्रिलोक कपूर, त्रिलोक जम्वाल एवं राकेश जम्वाल ने कहा कि समाज चिंतन पुस्तिका को केन्द्रीय विश्विद्यालय के पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है, यह निर्णय हर्ष एवं गौरव का है। अविनाश ने केंद्रीय विश्वविद्यालय का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस निर्णय से मैं बहुत खुश हूं,आशा करता हूं कि इस पुस्तक से आने वाली पीढ़ी को समाज में सकारात्मक कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला से पूर्व जीएनए विश्वविद्यालय पंजाब, रैयत बहारा विश्वविद्यालय पंजाब, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय पंजाब, लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय पंजाब एवं तांतिया विश्वविद्यालय राजस्थान ने भी इस पुस्तिका को अपने पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया है। हाल ही में विधि और न्याय मंत्री, किरेन रिजिजू द्वारा पुस्तक का अंग्रेजी संस्करण भी लॉन्च किया गया है और इससे पूर्व में पंजाबी एडिशन भी लॉन्च किया गया था। अब यह पुस्तिका भारत की तीन भाषाओं में उपलब्ध है। अविनाश ने अभी हिमाचल के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर, पूर्व राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भी यह पुस्तक भेंट की थी। पुस्तक में लेखक द्वारा समाज में सामाजिक समस्याओं एवं मुद्दों और उसके समाधान के उनके प्रयासों का चित्रण है।
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर हिमाचल किसान सभा के बैनर तले लखिमपुर खीरी में किसानों की हत्या और घायल हुए किसानों के समर्थन में मालरोड पर गिरफ्तारियां दी और काला दिवस मनाया। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई तीन किसानों की मौत के मामले की आंच शिमला तक पहुंच गई है। इस घटना के विरोध मेें सोमवार को हिमाचल किसान सभा ने शिमला के मॉलरोड पर प्रदर्शन किया और गिरफ्तारियां भी दी। सयुंक्त किसान मोर्चा के अन्य घटक संगठनों सीटू, एसएफआई, जनवादी नौजवान सभा, जनवादी महिला समिति और दलित शोषण मुक्ति मंच ने भी यूपी और हरियाणा सरकार द्वारा किसानों के बढ़ते आंदोलन से निपटने के लिए अपनाए गए फासीवादी रवैये पर गहरी चिंता जाहिर की है। हिमाचल किसान सभा के प्रदेशाध्यक्ष डा. कुलदीप सिंह तंवर ने मांग उठाई है कि लखिमपुर खीरी में किसानों की हत्या करने वाले केंद्रीय मंत्री के बेटे के खिलाफ आईपीसी की धारा-302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया जाए। किसान सभा ने केंद्रीय मंत्री को भी तुरंत बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा सर्वोच्च न्यायालय की देखरेख में विशेष जांच टीम एसआईटी का गठन किया जाए।
प्रदेश में लगातार मूसलाधार बारिश व चोटियों पर बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट पेश आई है। हालांकि, मंगलवार को भी बारिश की सम्भावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर मौसम साफ रहने की आशंका जताई है। प्रदेश में 13 जून को मानसून ने प्रवेश किया था। इस वर्ष मानसून सीजन लंबा चला है। अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। विभाग के अनुसार कुछ दिन मौसम साफ रहने से तापमान में वृद्धि होगी। सोमवार को धर्मशाला में 10 मिलीमीटर, चंबा के सिहुंता में सात, मनाली में तीन मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, बारालाचा सहित रोहतांग की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ। हालांकि मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू है। वहीं, प्रदेश से मानसून छह व सात अक्टूबर को विदा होने की संभावना है। मानसून में अच्छी बारिश होने के कारण प्रदेश में किसानों को लाभ हुआ है व कई जगहों पर भारी नुक्सान भी हुआ।
थुनाग: पंचायती राज उपचुनाव के नतीजे आने के बाद भाजपा खेमे में खुशी की लहर है तो कांग्रेस एक बार फिर से हार के कारण जानने में जुट गई है। सराज में पंचायती राज उपचुनाव में मुख्यमंत्री का जलवा बरकरार रहा है। यहां पर काकडाधार बीडीसी सीट पर भाजपा की पम्मी देवी ने कांग्रेस की रमा देवी को 277 वोटों से मात दी है। कांग्रेस यहां पर खाता खोलने में फिर नाकाम साबित हुई है। इस जीत के बाद सराज की 15 सीटों में से 13 पर भाजपा का कब्ज़ा बरकरार है। पहले चुने गए बीडीसी सदस्य की सरकारी नौकरी लगने के बाद इस क्षेत्र में मतदान करवाया गया था। यहां पर केवल दो ही प्रत्याशी मैदान में थे। दो पंचायतों काकडाधार और मेहरीधार में हुए इस उपचुनाव में कुल 1191 मत पड़े हैं। इसमें चार मत नोटा के थे, जबकि पांच मत निरस्त किए गए हैं। मेहरीधार में 1250 व काकडाधार में 848 मतदाता हैं। अब चुनाव परिवार आने के बाद भाजपा खेमे में खुशी की लहर है तो कांग्रेस एक बार फिर से हार के कारण जानने में जुट गई है।
हिमाचल में शिक्षा विभाग द्वारा सरकारी स्कूलों में सेफ्टी ऑडिट के लिए सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिशा-निर्देश जारी किये गए हैं। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों व वर्कर्स के लिए सुरक्षा प्रदान की जाएगी। बताया जा रहा हैं कि यह ऑडिट 2 तरह का होगा। पहला नॉन स्टक्चर, दूसरा स्टक्चर नॉन स्टक्चर में देखा जाएगा कि जो पेड़ लगे है वह कितने पुराने हैं, कहीं गिरने की कगार में तो नहीं है, स्कूल में ऐसा स्थान तो नहीं जो अप्रिय घटना को न्योता दे रहा है एवं, फेंसिग ठीक से है की नहीं। स्ट्रक्चर में प्राकृतिक आपदा से सावधान रहने के लिए ध्यान दिया जाएगा कि भवन की हालत ठीक है की नहीं या उसे पुनः स्थापित करने की आवश्यकता है की नहीं। भवन की नीव कितनी गहरी है, छत की लकड़ी पुरानी तो नहीं हुई है। जिला उपनिदेशकों ने स्कूलों को निर्देश जारी किये हैं कि वह राज्य लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों से संपर्क साधकर यह ऑडिट करवाएं। आडिट करवाने के बाद स्कूल सेफ्टी का सर्टिफिकेट भी उक्त अधिकारी से लें।
कांग्रेस के युवा संगठन ने भी उपचुनावों के लिए कमर कस ली है। युवा कांग्रेस ने ठान लिया है कि उपचुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी को जिताकर ही दम लेंगे। युवा कांग्रेस जोगिंद्रनगर के अध्यक्ष सौरव ठाकुर ने एक जारी बयान में कहा कि मंडी लोकसभा उपचुनाव के लिए जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के 131 बूथों में युवा कांग्रेस के सदस्य तैयारियों में जुट गए हैं। हर बूथ में युवा कांग्रेस के सदस्य कांग्रेस प्रत्याशी के लिए प्रचार करेंगे और प्रत्याशी को जिताकर लोकसभा पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा की जनविरोधी नीतियों के कारण लोगों में गुस्सा है। वहीं, कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़ी पार्टी है। कांग्रेस पार्टी ने हर बार भाजपा की जनविरोधी और किसान विरोधी नीतियों का डटकर विरोध किया है। इसका फायदा कांग्रेस को इन उपचुनावों में मिलेगा और कांग्रेस प्रत्याशी भारी बहुमत से जीत हासिल करेगा। सौरव ठाकुर ने अपना मोबाइल नम्बर और ईमेल भी जारी किया है। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि कोई भी युवा अपने बूथ स्तर पर युवा कांग्रेस के इस अभियान से जुड़ना चाहते हैं, वह उनके मोबाइल नम्बर 8580575307 और ईमेल thakursourav229@gmail.com पर सम्पर्क कर सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में कोरोना को देखते हुए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण दिशा निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों का पालन देवताओं के साथ आने वाले देवलुओं और आम लोगों को करना अनिवार्य होगा। रथ यात्रा या दशहरा उत्सव में आने वाले सभी लोगों को हर समय मास्क लगाना अनिवार्य होगा। सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा। देवताओं के अस्थायी शिविर में दर्शन के लिए निर्धारित स्थान से ही दर्शन करने होंगे। मूर्ति अथवा देवरथ को छूना वर्जित होगा। दर्शन के लिए कतार में चिन्हित स्थानों पर खड़े रहना होगा। सभी देवलू/श्रद्धालु मेला मैदान में प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर तापमान की जांच करवाना सुनिश्चित करेंगे। उत्सव स्थल तथा आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों में थूकना तथा उपयोग में लाए हुए मास्क इत्यादि को इधर-उधर फेंकना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने कहा कि दशहरा में आने वाले देवलुओं, हारियान वैक्सीन दोनों टीके दशहरा उत्सव से पूर्व लगवा लें। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस अभी भी तेजी से फैल रहा है। सरकार इस वायरस को रोकने के लिए समय-समय पर दिशा निर्देश जारी कर रही है। सामाजिक दुरी व स्वच्छता को इस महामारी के संक्त्रस्मण को तेजी से फैलने से रोकने में एक कारगार उपाय माना गया है।
बिजली बिल में गड़बड़झाला आरोप में अधिशासी अभियंता समेत तीन अफसरों को निलंबित किया गया है। बताया जा रहा है कि औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब, बद्दी, नालागढ़ और पांवटा साहिब में कुछ उद्योगपतियों को बिजली बिल में फायदा पहुंचाने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। बिजली बोर्ड मुख्यालय कुमार हाउस शिमला से प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों के निरीक्षण पर कि गई आईटी टीमों की रिपोर्ट के आधार पर 10 सहायक और कनिष्ठ अभियंताओं पर बोर्ड ने जांच बैठा दी है। बोर्ड ने दो वरिष्ठ सहायकों सहित तत्कालीन सहायक अभियंता, जो अब अधिशासी अभियंता बन गए हैं, उन्हें निलंबित किया है। बोर्ड की कामर्शियल कार्यालय आईटी कार्य निरीक्षण टीम ने पिछले दिनों औद्योगिक क्षेत्रों कालाअंब, बद्दी, नालागढ़ और पांवटा साहिब में विद्युत बिलिंग प्रणाली में अनियमितताएं पाई थीं। इस पर बैठाई गई जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है। इन सभी अधिकारियों पर कुछ उद्योगों को अनावश्यक लाभ देने की कोशिश करने और बिजली बोर्ड को हानि पहुंचाने की आशंका का आरोप है। बोर्ड के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी ऊर्जा से अपना कार्य करना चाहिए। बोर्ड का कार्य प्रदेश की जनता को सभी सुविधाएं प्रदान करना है। इस कार्य में किसी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए।
इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने शैक्षणिक सत्र जुलाई 2021 के लिए विभिन मास्टर डिग्री, बैचलर डिग्री, डिप्लोमा व पीजी डिप्लोमा कोर्सेज में प्रवेश की अंतिम तिथि 11अक्तूबर तक बढ़ा दी है। वहीं दिसम्बर 2021 में होने वाली परीक्षा के लिए असाइनमेंट की तारीख को भी 31 अक्तूबर तक बढ़ा दिया है। जो छात्र किसी कारणवश जुलाई 2021 सत्र में फेस एडमिशन लेने से छुट गए थे, इग्नू ने उन छात्रों के लिए फिर से फेस एडमिशन का मौका दिया है। जो भी छात्र अनुसूचित जाति / अनुसूचित जन जाति से सम्बन्ध रखता है उसके लिए निशुल्क प्रवेश कि सुविधा भी इग्नू ने दी है। अधिक जानकारी के लिए इग्नू की आधिकारिक वेब साईट www.ignou.ac.in में भी चेक कर सकते हैं। डॉक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि यदि किसी छात्र को विषय सम्बन्धी कोई समस्या आ रही हो तो इग्नू कार्यालय के सहायक राजकुमार से मोबाइल नंबर 70180-93090 या इग्नू के कार्यालय 1136 में आकर भी संपर्क कर सकते हैं।
निजी शिक्षण संस्थान विनियामक आयोग के पास कुछ निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में पैसा लेकर नकल करवाने और विद्यार्थियों से निजी काम करवाने की शिकायतें पहुंचीं हैं। प्रदेश के 451 निजी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की मंगलवार से जांच होगी। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए आयोग ने प्रदेश के सभी निजी शिक्षण संस्थानों में दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता को जांचने का फैसला लिया है। आयोग के अध्यक्ष मेजर जनरल सेवानिवृत्त अतुल कौशिक ने एक्ट में मिले अधिकारों का प्रयोग करते हुए जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। शिकायतकर्ताओं ने संस्थानों के नाम और पते सहित कई अन्य तथ्य भी आयोग के समक्ष पेश किए हैं। मंगलवार से आयोग की जांच कमेटी निजी संस्थानों का दौरा करेगी। इन संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार चल रहे कोर्सों को जांचा जाएगा। किस कोर्स में कितने विद्यार्थी दाखिल हैं, शिक्षकों की योग्यता क्या है। कोर्स सरकार से मंजूर हैं या नहीं। कितने संस्थानों को नैक से मान्यता मिली है। राष्ट्रीय रैकिंग में संस्थानों की स्थिति कैसी है। ऑनलाइन शिक्षा देने के लिए क्या प्रक्रिया अपनाई जा रही है। संस्थानों के आधारभूत ढांचे को भी जांचा जाएगा। जांच कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद आयोग के अध्यक्ष सरकार और राज्य विश्वविद्यालय व तकनीकी विश्वविद्यालय को अपनी रिपोर्ट देंगे। डिग्री कॉलेजों सहित बीएड कॉलेजों, तकनीकी कॉलेजों, मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों, फार्मेसी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों का निरीक्षण किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी.पालरासू ने आज सोलन जिला के 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र में उप निर्वाचन के सम्बन्ध में सैक्टर अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों के साथ उपमण्डलाधिकारी कार्यालय अर्की में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की और विभिन्न तैयारियांे का जायज़ा लिया। उन्होंने इस अवसर पर सफल निर्वाचन के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। बैठक में उप निर्वाचन के सम्बन्ध में विभिन्न तैयारियांे की समीक्षा की गई। सी. पालरासू ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में शत-प्रतिशत मतदाताओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसके लिए आवश्यक है कि स्वीप गतिविधियों के तहत मतदान से पूर्व मतदाताओं की मतदान में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएं। उन्होंने इस सम्बन्ध में उचित निर्देश भी जारी किए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी सोलन को निर्देश दिए कि 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के सभी 154 मतदान केन्द्रों पर भारत के निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्णयानुसार 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाता, दिव्यांग मतदाता एवं कोविड-19 पाॅजिटिव मतदाता यदि चाहें तो वे डाक मत पत्र का प्रयोग कर सकते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि इस सम्बन्ध में व्यवस्थाएं सुनिश्चित बनाई जाएं। सी.पालरासू ने स्वतन्त्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन के सम्बन्ध में एवं मतदान एवं मतगणना के विषय में उचित दिशा-निर्देश भी जारी किए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस अवसर पर राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की में स्थापित मतगणना केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक सोलन वीरेन्द्र शर्मा के साथ मतगणना केन्द्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की। उन्होंने पलानिया मतदान केन्द्र का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विभिन्न तैयारियों के सम्बन्ध में संतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिए कि कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत सभी नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित बनाया जाए। निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी अर्की शहज़ाद आलम ने अवगत करवाया कि 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र में 02 महिला मतदान केन्द्र, 02 आदर्श मतदान केन्द्र एवं दिव्यांग जन के लिए 01 मतदान केन्द्र स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिव्यांग मतदाताओं एवं 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के इच्छुक मतदाताओं के लिए उनके आवास से ही डाक मत पत्रों की व्यवस्था की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी, पुलिस अधीक्षक सोलन वीरेन्द्र शर्मा, निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी अर्की शहज़ाद आलम, तहसीलदर सोलन राजेन्द्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए केलांग स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सभागार में शुरू की गई मतगणना समाप्त हो गई है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नीरज कुमार ने बताया कि पंचायत समिति के निर्वाचन के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम केलांग प्रिया नागटा द्वारा निर्वाचित हुए सदस्यों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। पंचायत समिति सदस्य के लिए तिंगरेट वार्ड से दिलीप सिंह, सिसु से अंजू देवी, कोलोंग से टशी सोनम, कारदंग से नवांग, तांदी से भावना, शांशा से हीरा दासी, त्रिलोकनाथ से राकेश, गोंदला से प्रोमिला, गोशाल से विपिन कुमार, मूरिंग से दिनेश कुमार, तिन्दी से रीता, जाहलमा से प्रामिला देवी, उदयपुर से शीला और गोहरमा से प्रोमिला देवी निर्वाचित घोषित किए गए हैं। केलांग वार्ड से टशी केसंग निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने की। बैठक में भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव एवं प्रभारी हिमाचल प्रदेश अमरप्रीत लाली और सचिव एवं सह-प्रभारी हि प्र दामन बाजवा ने विशेष तौर पर शिरकत की। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों व मण्डी लोकसभा क्षेत्र युवा कांग्रेस के विधानाभा अध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक में विस्तृत चर्चा करने के बाद निर्णय लिया गया कि युवा कांग्रेस मण्डी संसदीय क्षेत्र तथा फतेहपुर, अर्की एवं जुब्बल कोटखाई में हो रहे उपचुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहन्त करेगी। नेगी निगम भंडारी ने कहा कि युवा कांग्रेस केन्द्र व हिमाचल की भाजपा सरकारों की जनविरोधी कार्यशैली, बढ़ती वेरोजगारी, हिमाचली युवाओं को दर किनार कर बाहरी राज्यों के लोगों को रोजगार देने, बिगड़ती कानून व्यावस्था व चरम पर पहुंची मंहगाई जैसे महत्वपूर्ण मुददों को लेकर लोगों के बीच भाजपा का पर्दाफाश करेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल की भाजपा सरकार ने बाहरी राज्यों के लागों को रोजगार दे रही है जबकि हिमाचली युवा बेरोजगारी की मार झेल रहा है और बेरोजगारी के आंकडों के अनुसार आज हम देश के तीसरे स्थान पर आ चुके हैं। नेगी निगम भंडारी ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी, मंहगाई और महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों पर युवा कांग्रेस चुप नही बैठेगी और आने वाले दिनों में इन के विरोध में प्रदेश भर में आन्दोलन के लिए जाएंगे। नेगी निगम भंडारी ने कहा कि उतर प्रदेश लखीमपुर खीरी में केन्द्रीय राज्यमंत्री के पुत्र ने किसानों को गाड़ी से कुचल कर नरसंहार किया गया। उस में जिन किसानों की मौत हो गई उनकी आत्मा की शांति के लिए आज शाम 6 बजे कांग्रेस कार्यालय से रिज पर महात्मा गांधी जी की प्रतिमा तक युवा कांग्रेस कैंडल मार्च करेंगे। उन्होंने कहा कि उतर प्रदेश में जंगल राज चल रहा है जहां कानून की सरेआम धज्जियां उडाई जा रही है।


















































