हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र भरमौर की कुगति पंचायत में गुरुवार रात बादल फटने से नाले में बाढ़ आ गई। बाढ़ में लोक निर्माण विभाग की मशीनरी बह गई। शुक्रवार को धर्मशाला और पालमपुर के अलावा कांगड़ा जिले के कई क्षेत्रों में बारिश हुई। राजधानी शिमला में बादल छाए रहे। शनिवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। 5 अक्तूबर तक मौसम खराब रहने की संभावना है। वहीं, अक्तूबर के दूसरे सप्ताह में प्रदेश से मानसून विदा होने का पूर्वानुमान है। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की कुगति पंचायत में गुरुवार रात बादल फटने से हलाणी नाले में बाढ़ आ गई। लोक निर्माण विभाग और कुगति मार्ग को चौड़ा करने वाली कंपनी की मशीनरी बाढ़ में बह जाने से लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। बाढ़ से क्रैश बैरियर और सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हड़सर-कुगति मार्ग पर यातायात ठप हो गया है। शनिवार शाम तक मार्ग बहाली की उम्मीद है।
कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया मार्क्सवादी हिमाचल प्रदेश में होने जा रहे मंडी संसदीय सीट सहित फतेहपुर, अर्की और जुब्बल कोटखाई के उपचुनाव में प्रत्याशी नहीं उतारेगी। शुक्रवार को शिमला में हुई पार्टी के राज्य सचिवालय मंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। माकपा ने उपचुनावों में भाजपा के प्रत्याशियों को हराने के लिए प्रचार और प्रसार करने की रणनीति बनाई है। माकपा के राज्य सचिव डॉ.ओंकार शाद ने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारियों ने आपसी सहमति से उपचुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया है। केंद्रीय पदाधिकारियों को भी इस बाबत सूचित कर दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियां जन विरोधी है। आम जनता के हितों की अनदेखी की जा रही है। महंगाई, बेरोजगारी रोजाना रिकार्ड तोड़ रही है।
हिमाचल प्रदेश में उपचुनावों के लिए नेताओं की रैलियों में शामिल होने वाले लोगों की रैंडम सैंपलिंग होगी। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले न बढ़ें, इसके लिए यह निर्णय लिया गया है। रैली स्थल के बाहर स्वास्थ्य विभाग का काउंटर स्थापित किया जाएगा। इसमें डॉक्टर, नर्स और फार्मासिस्ट तैनात होंगे और रैली में आने वाले ग्रुपों में से किसी एक व्यक्ति का कोरोना की जांच के लिए सैंपल लेंगे। मंडी संसदीय क्षेत्र के साथ जुब्बल-कोटखाई, फतेहपुर और अर्की विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की घोषणा हो चुकी है। अब प्रत्याशियों के नाम फाइनल होने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की रैलियां होंगी। इनमें लोगों की भीड़ उमड़ना स्वाभाविक है। पार्टी प्रत्याशी कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर वोट भी मांगेंगे। ऐसे में कोरोना के मामले बढ़ने की आशंका को लेकर स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुट गया है। वंही उपचुनावों की घोषणा के बाद प्रदेश के आठ जिलों में आचार संहिता लागू हो गई है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग इन जिलों में सैंपलिंग बढ़ाने पर फोकस कर रहा है। सरकार ने सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि जिन-जिन क्षेत्रों से यह मामले आए हैं, वहां कांटेक्ट ट्रेसिंग करवाएं। जिले में सैंपलिंग बढ़ाने के भी निर्देश दिए हैं।
उपमण्डल ज्वालामुखी के अंतर्गत पड़ती ग्राम पंचायत उम्मर में मेडिकल जांच कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें स्थानीय निवासियों द्वारा बढ़-चढ़कर भाग लिया गया तथा साथ ही पंचायत की भूरि-भूरि प्रशंसा भी की गई। कैंप में मौजूद मेडिकल स्टाफ, ग्राम पंचायत प्रधान डॉक्टर वकील चौधरी, उप प्रधान देहरिया वार्ड सदस्य सुषमा देवी, मधुबाला ने मेडिकल स्टाफ का धन्यवाद किया और वहां पर आए सभी लोगों का स्वागत किया। डॉक्टर वकील चौधरी का कहना है कि भविष्य में जब भी कैंप लगे तो इस सुविधा का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोग लें।
शनिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 152वी जयंती के अवसर पर शमशेर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन से उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली गई। जिसमें शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बच्चों, विभिन्न विभागो के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वरिष्ठ नागरिको ने भाग लिया। प्रभात फेरी शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) स्कूल से बडा चौक, गुनुघाट, मालरोड से होती हुई चौगान में आकर समाप्त हुई। प्रभात फेरी में लोगों द्वारा महात्मा गांधी अमर रहे के नारे और रामधुन व भजन कीर्तन करते वातारण को भक्तिमय बना दिया। इससे पहले उपायुक्त सिरमौर, राम कुमार गौतम सहित अधिकारियों व विभिन्न संस्थाओं के लोगों द्वारा महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शमशेर स्कूल परिसर में छात्र शिवम ने गांधी जंयती के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जीवनी पर प्रकाश डाला। उपायुक्त ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता,राष्ट्र की एकता व अखण्डता की शपथ दिलाई और स्वच्छता ही सेवा पर आधारित जागरुकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। जिसमे शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानो के बच्चों व अध्यापको ने भाग लिया। इस अवसर पर उपायुक्त ने जिला रेडक्रॅास सोसायटी के सौजन्य से डा0 वाईएस परमार मेडिकल कालेज नाहन में कुष्ठ रोगियों को कम्बल व अन्य रोगियों को फल प्रदान करके उनका मनोबल बढ़ाया। इसके अतिरिक्त रेडक्रॅास सोसायटी ने जरुरत मदो को विल चेयर भी वितरित किए। उन्होंने इस अवसर पर कुष्ठ रोगियो के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की तथा उन्होने आयूष विभाग की ओर से इम्यूनिटी बूस्टर व फल बांटे। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर, सहायक आयुक्त प्रियंका चन्द्रा के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न स्कूलों के अध्यापक भी उपस्थित थे।
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक शाखा ज्वालामुखी में आज विमल शर्मा को ब्लॉक देहरा सेक्टर 4 ज्वालामुखी से निर्विरोध सर्वसम्मति से बैंक का डैलीगेट चुना गया। विमल शर्मा ज्वालामुखी मंदिर सहकारी सभा के प्रधान और देहरा फ्रेंड्स बस सर्विस सोसायटी के चेयरमैन हैं और वर्तमान में नगर परिषद ज्वालामुखी के पार्षद हैं। उन्हें आज समर्थकों ने हार पहनाकर सम्मानित किया और बधाई दी। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक में निर्वाचन अधिकारी अतिरिक्त बैंक मैनेजर अनिल कुमार शर्मा ने उन्हें निर्विरोध चुने जाने पर बैंक का डैलीगेट बनने का प्रमाण पत्र दिया और शुभकामनाएं दी। इस मौके पर उनके साथ अंब सहकारी सभा से सूबेदार प्रेम सिंह, फकलोह सहकारी सभा से प्रीतम चंद, दरंग सहकारी सभा से बलवंत सिंह, कोहाला सहकारी सभा से प्रीतम सिंह, कमलोटा सहकारी सभा से शमशेर सिंह, कुटियारा सहकारी सभा से सतीश वालिया, माता अष्टभुजा मंदिर सोसाइटी से गुलजार सिंह परमार, कथोग सहकारी सभा से मानसिंह, करियाडा सहकारी सभा से सुरेंद्र सिंह ठाकुर और देहरा फ्रेंड्स बस सर्विस सोसायटी से योगराज उपस्थित रहे। इस मौके पर विमल शर्मा ने कहा कि वह सब की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और बैंक की तरक्की और सहकारी सभाओं के उत्थान के लिए काम करेंगे l
विद्युत उपमंडल मझीन के अंतर्गत आने वाले सभी उपभोक्ताओं को विभाग ने सूचित किया है कि जिन उपभोक्ताओं ने अपने सितंबर माह के बिजली बिलों का भुगतान अब तक नही किया है, वह अपने बिलों का भुगतान 15 अक्टूबर से पहले कर दें और जो उपभोक्ता दर्शाई गई तिथि तक बिजली बिलों का भुगतान नही करते हैं, उनके विद्युत कनेक्शनों को बिना किसी अन्य सूचना के काट दिया जाएगा। सहायक अभियंता विद्युत उपमंड़ल मझीन रिदिमा चौधरी ने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
उपमंडल जोगिंदर नगर के आर्यन पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऐहजु के 2 छात्रों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ है। जानकारी देते हुए स्कूल के प्रधानाचार्य रणवीर ठाकुर ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आर्यन पब्लिक पाठशाला के छात्रों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ है। उन्होंने कहा जहां एक तरफ आज के समय में कोरोना के चलते छात्रों की स्कूली शिक्षा ऑनलाइन माध्यम से दी जा रही है, वहीं पाठशाला के अध्यापकों द्वारा स्कूली शिक्षा के साथ-साथ छात्रों को अन्य प्रतिस्पर्धा परीक्षाओं की भी तैयारी करवाई जा रही है। जिसके परिणाम स्वरूप पाठशाला के 2 छात्र अभिरेंद्र और सक्षम वर्मा का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ है। स्कूल के प्रधानाचार्य रणबीर ठाकुर और निदेशक राजकुमार ठाकुर ने इस उपलब्धि पर छात्रों के माता-पिता व सभी अध्यापकों को बधाई दी है और बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते ख़बली में देर शाम पुलिस नाकाबंदी एवम गश्त के दौरान स्कूटी नंबर HP 40D-7284 पर सवार एक व्यक्ति से 115 ग्राम चरस पकड़ने की जानकारी प्रकाश में आई है। बताया जा रहा है क़ि स्कूटी चालक कांगड़ा से देहरा की तरफ आ रहा था। जिसने हेलमेट भी नहीं लगाया हुआ था। देहरा पुलिस ने उसे रूकने का इशारा किया, पर वह आगे जाकर कुछ दूरी पर रुका और उसने अपनी जेब से एक लिफाफा निकालकर समीप ही झाड़ियों में फेंक दिया। मिली जानकारी के अनुसार उक्त व्यक्ति द्वारा फेंके गए लिफाफे की जब चेकिंग की गई तो उसमें चरस पाई गई। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। उक्त युवक कांगड़ा का ही रहने वाला बताया जा रहा है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सोनम नेगी ने कहा कि किन्नौर जिले में कोविड-19 से स्वस्थ होने वालों की संख्या 3,410 है। जिले मे शुक्रवार को कोविड-19 के 166 सेम्पल लिए गए थे जिनमें से 3 सेम्पल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव आने वालो में एक महिला दूनी, एक महिला रीकांगपीओ दो नालू व एक मामला चुलिंग से है। डॉ सोनम नेगी कहा कि जिले मे कोविड के सक्रिय मामलों की संख्या 39 है। उन्होंने बताया कि जिले मे अब तक कोविड-19 के कुल 76319 सेम्पल लिए जा चुके हैं। जिनमें से 72832 सेम्पल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है तथा अब तक जिले मे कुल 3487 मामले पॉजिटिव आए है। उन्होंने कहा कि जिले में कोविड-19 के कारण 38 रोगियों की मृत्यु हो चुकी है।
बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा कि रेणुकाजी बांध विस्थापितों के हितों को सुरक्षित रखना प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है और उनके साथ कोई भी अन्याय नही होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपचुनाव के मद्देनजर लगी चुनाव आचार संहिता के खत्म होने के बाद विस्थापितों तथा संघर्ष समिति के पदाधिकारियों को बैठक के लिए शिमला बुलाया जाएगा ताकि उनकी समस्याओं का निराकरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि रेणुकाजी बांध परियोजना में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोज़गार मिले इसके लिए वह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विस्थापितों को मुआवजा सम्बंधी पूरी जानकारी उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि रेणुका जी बांध परियोजना एक राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य देश की राजधानी दिल्ली को पानी मुहैया करवाना है और इसके साथ-साथ 40 मैगावाट ऊर्जा का उत्पादन भी सुनिश्चित किया जाना है। इस परियोजना को भारत सरकार द्वारा पर्यावरण मंज़ूरी प्राप्त हो चुकी है तथा वन मंत्रालय से प्रथम चरण की मंजूरी भी प्राप्त हो चुकी है। इसकी तकनीकी मुल्याकंन समिति से अनुमति भी प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन एक तकनीकी तथा व्यवसायिक रूप से सक्षम संस्था है। अब तक 281 मैगावाट बिजली का उत्पादन कर दिया है तथा 2024 तक 881 मैगावाट क्षमता के बिजली उत्पादन करने के लक्ष्य के प्रति अग्रसर है। इस अवसर पर पूर्व विधायक रूप सिंह, मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा, निदेशक, कार्मिक एवं वित्त, हिमाचल प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटिड, प्रियंका वर्मा, निदेशक, सिविल, सुरेंदर कुमार, महाप्रबंधक रेणुका जी बांध परियोजना, रूप लाल, उप महाप्रबंधक सुनील कुमार ठाकुर और संजीव कुमार, अध्यक्ष एपीएमसी रामेश्वर शर्मा, बलबीर चौहान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
डाडासीबा पुलिस चौकी के अंतर्गत ग्राम पंचायत त्यामल के गांव सुभाषपुर में पानी गर्म वाली रोड राड़ से बिजली का करंट लगने पर 56 वर्षिय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतिका की पहचान सुरेंद्रा कुमारी पत्नी पूर्ण चन्द के रुप मे हुई है। हादसे का पता चलते ही मौके पर पहुची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर छानबीन शुरु कर दी है। यह मामला गुरुवार का है। मिली जानकारी के अनुसार सुरेंद्रा कुमारी घर में पानी गर्म कर रही थी तो उसे बिजली का करंट लग गया। इस दौरान वह घर पर अकेली थी। काफी देर के बाद लोगों ने उसे बेहोशी की हालत में देखा। इस बात की सूचना स्थानीय लोगों ने मृतिका के परिजनों व पुलिस को दी। जानकारी के मुताबिक महिला के पांच बच्चे हैं। मृतिका का पति दिहाड़ी मजदूरी करता है। पंचायत तयामल प्रधान रंजना रानी ने बताया महिला घर में अकेली थी। यह हादसा पानी गर्म करने के लिए बिजली की रोड लगाने के चलते पेश आया है। इस संबंध में पुलिस चौकी डाडा सीबा के प्रभारी किशोर चंद ने बताया कि शुक्रवार को महिला का शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
हमीरपुर जिला की 9 ग्राम पंचायतों में हुए उपचुनावों के परिणाम शनिवार शाम को घोषित कर दिए गए हैं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी देबश्वेता बनिक ने बताया कि ग्राम पंचायत मक्कड़ में प्रधान पद के लिए नीरज कुमार और ग्राम पंचायत धरोग में उपप्रधान पद के लिए राजेश कुमार निर्वाचित घोषित किए गए हैं। इनके अलावा ग्राम पंचायत सराहकड़ के वार्ड नंबर-1 में राकेश कुमार, ग्राम पंचायत पुरली के वार्ड नंबर-2 में सपना देवी, ग्राम पंचायत मण के वार्ड नंबर-4 में प्रदीप कुमार, ग्राम पंचायत दंगड़ी के वार्ड नंबर-3 में रमेश कुमार, ग्राम पंचायत मनसाई के वार्ड नंबर-7 में मोती राम, ग्राम पंचायत रोंही के वार्ड नंबर-5 में नरोत्तम चंद और ग्राम पंचायत दरोगण पत्ती कोट के वार्ड नंबर-8 में बलदेव सिंह पंचायत सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए हैं।
1905 में कांगड़ा मे आए भूकंप की वर्षगांठ पर किन्नौर जिला में ऑनलाइन आयोजित जिला स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम प्राप्त हो चुके हैं। जिसके तहत प्रस्ताव लेखन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रारंग की मुस्कान नेगी प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाल बटसेरी की अंजु तामंग द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला किल्बा की पायल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। यह जानकारी उपनिदेशक उच्च्तर शिक्षा ने दी। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आयोजित नारा-लेखन प्रतियोगिता में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सापनी के सुमित कुमार प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छितकुल की प्रियादर्शनी द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सांगला की शीतल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इनफार्मेशन एण्ड काॅम्यूनिकेशन प्रतियोगिता में राजकीय उच्च पाठशाला शलखर के विनोद राय प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बारंग की मुस्कान द्वितीय तथा राजकीय उच्च पाठशाला नाथपा के अनूप कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्र कला में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कटगांव की समृति नेगी ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ज्ञाबुंग के राजदेव ने द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्पा के प्रगति बिश्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांग पिओ की नेनसी ने प्रथम, राजकीय उच्च पाठशाला छोलतू के करण ने द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ब्रुआ की तमन्ना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जसवां परागपुर के अध्यक्ष ठाकुर सुरिन्द्र सिंह मनकोटिया ने बीजेपी सरकार पर ताबड़तोड़ हमला करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने बाहरी राज्यों के लोगों को नौकरियां बांट कर युवाओं से घंघोर पाप और छल कपट किया है। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में जेई के पदों पर प्रदेश के बाहरी लोगों की नियुक्तियां की गई हैं। यह प्रदेश के बेरोजगारों के साथ बहुत बड़ा धोखा व गहरा आघात है। जिसका खामियाजा प्रदेश सरकार आगामी 30 अक्टूबर को हो रहे उप-चुनावों में बीजेपी को भुगतना पड़ेगा क्योंकि भाजपा सरकार ने उन लोगों के साथ धोखा किया है, जिन्होंने उन्हें सत्ता दिलवाई और अब वही लोग भाजपा से सत्ता छीनने को उतावले हैं। मनकोटिया ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी नौकरियों में जिस प्रकार प्रदेश के बेरोजगारों के साथ अन्याय किया जा रहा है, उसके खिलाफ कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। क्योंकि अभी हाल ही में जिन पदों पर प्रदेश के बाहरी लोगों की नियुक्तियां की गई हैं। वह प्रदेश के बेरोजगारों के साथ बहुत बड़ा धोखा है। सुरिंदर सिंह मनकोटिया ने कहा कि पौने चार वर्षों में केवल कागजी घोषणाएं हुई हैं और आज हालत यह हैं कि प्रदेश में बागवान, किसान, नौजवान व कर्मचारी हर वर्ग परेशान है। वहीं सरकार ऐश परस्ती में मस्त है। इंवेस्टरज मीट नॉटकी साबित हुई है। मनकोटिया ने कहा कि खनन माफिया, ड्रग माफिया, वन माफिया सब जगह खुलेआम सरकार की छत्रछाया में अपने पांव जमा चुका है।
राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने बधाई संदेश में राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति का साधारण व्यक्तित्व और सामाजिक समरसता के संदेश ने उन्हें अलग पहचान दी है। उन्होंने ईश्वर से उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के प्रभारी संजय दत्त प्रदेश में चार उप चुनावों के दृष्टिगत पार्टी की चुनावी रणनीति बनाने के लिए आज शिमला पहुंच गए। इस दौरान वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठके करेंगे। कल कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। संजय दत्त ने आज शिमला पहुंचते ही राजीव भवन में पार्टी नेताओं से भेंट कर प्रदेश की राजनीति पर आपसी चर्चा की। उन्होंने कहा कि वह अपने इस दौरे में अर्की, जुब्बल, फतेहपुर व मंडी का भी दौरा कर पार्टी नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। राजीव भवन में आज उनसे मिलने वालों में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री रंगीला राम राव, केहर सिंह खाची, रोहित ठाकुर, यशवंत सिंह छाजटा, इकवाल मोहम्मद, वेद प्रकाश ठाकुर, बलदेब ठाकुर, सुशांत कपरेट, वेद प्रकाश शर्मा, सन्दीप कुमार, सेन राम नेगी, वृंदा सिंह, दिनेश हेटा, गौरव पंडित, अमित चौहान, प्रमुख तौर पर अन्यों के अतिरिक्त थे।
प्रदेश होने वाले उपचुनाव में भाजपा की जीत सुनिशचित करने लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मोर्चा संभाल लिया है। शुक्रवार को उन्होंने सिराज में भाजपा मंडल की बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को जीत के टिप्स दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सिरज हो जिला शिमला का दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार, प्रदेश के सभी क्षेत्रों में हमारी सरकार ने वो काम कर दिखाया जो छह बार के मुख्यमंत्री भी नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि 2017 के विधासभाचुनाव में हमें हराने के लिए कांग्रेस ने कई हथकंडे अपनाए, लेकिन हम जीतते रहे और हम आगे भी जीतते रहेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना जैसे संकट काल में भी हमारी सरकार ने विकास को रुकने नहीं दिया। प्रदेश सरकार ने अब तक के कार्यकाल में हरेक विधानसभा क्षेत्र में कई विकास कार्य किए हैं। आपको इन कार्यों को लेकर लोगों के बीच जाना होगा। उन्होंने कहा कि पहली बार सिराज को इतना बड़ा सम्मान मिला है, इसे ठेस नहीं पहुंचने देनी है। जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जो लोग पार्टी से जुड़ना चाहते हैं, उन्हें जोड़िए। जो लोग मुझसे मिलना चाहते हैं, हमेशा की तरह उनका पूरा स्वागत और सम्मान होगा। पिछली सरकार में तो ऐसा होता था कि ओकओवर में लोग आते थे और मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाने तक ही सीमित होकर रह जाते थे। मगर हमारी सरकार और पार्टी दोनों में लोगों को सम्मान मिलता है और उनकी समस्याएं भी सुलझाई जाती हैं। मुखयमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि उपचुनाव में जीत का पुराना रिकॉर्ड बरकरार रखना होगा। उन्होंने कहा कि कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगवाने में हिमाचल पूरे देश में नंबर वन पर आया तो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वॉरियर्स से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने सराजियों का जिक्र किया तो पूरे क्षेत्र की जनता को सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग भी आप लोगों के बीच आएंगे, तरह-तरह की बातें करेंगे। हिमाचल प्रदेश में आज भाजपा की सरकार के चार साल पूरे होने वाले हैं मगर विपक्ष के पास हमारे खिलाफ कहने को कुछ नहीं है। केंद्र में भी मोदी सरकार को साढ़े सात साल होने वाले हैं, लेकिन मोदी जी के खिलाफ भी विपक्ष को कुछ कहने को नहीं मिला। जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से मंडी भी जीतेंगे और तीनों विधानसभा सीटें भी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब पीछे मुड़कर देखने का समय नहीं है, आगे बढ़िए। अब इतिहास के हिस्से में एक पन्ना रहेगा कि जब हिमाचल में पांच साल बाद सरकारें बदलती थीं, वहां एक ऐसा सराजी था जिसने पांच साल बाद फिर भाजपा की सरकार बनाई।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 अक्तूबर को 11 केवी नौणी फीडर के आवश्यक मुरम्मत कार्य के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियन्ता दिनेश ठाकुर ने दी। दिनेश ठाकुर ने कहा कि इसके दृष्टिगत 3 अक्तूबर को दोपहर 1.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक डाॅ.यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वद्यालय नौणी, नौणी बाजार, धारों की धार, धरजा, बदलेच, कालाघाट तथा पंडाह इत्यादि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
उपनिदेशक प्रारम्भिक शिक्षा सोलन दीवान चंद चंदेल ने जिला के सभी इको क्लब विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं मुख्याध्यापकों से आग्रह किया है कि अपने-अपने विद्यालय के इको क्लब डाटा और इको क्लब के तहत आयोजित की जा रही गतिविधियों को इस कार्य के लिए विकसित वेबसाईट पर पंजीकृत करवाएं। दीवान चंद चंदेल ने कहा कि सभी प्रधानाचार्य एवं मुख्याध्यापक यह जानकारी पोर्टल लिंक www.ecoclub.hp.gov.in पर उपलब्ध करवाएं तथा ऑनलाइन इको क्लब प्रपत्र के अनुरूप सूचना एवं गतिविधियों को अद्यतन करें। उप निदेशक ने कहा कि इस सम्बन्ध में जानकारी के लिए एजीआईएसएसी शिमला के विशेषज्ञ प्रवीण शर्मा से उनके मोबाइल नम्बर 88944-95915 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
देश में जन-जन को विधिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से 2 अक्तूबर से 14 नवम्बर तक कार्यान्वित किए जाने वाले अखिल भारतीय जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के शुभारम्भ कार्यक्रम का 2 अक्तूबर को लाईव प्रसारण प्रातः 11.00 बजे से किया जाएगा। यह जानकारी जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी सोलन कपिल शर्मा ने दी। कपिल शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम का लाईव प्रसारण राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण के यू-ट्यूब चैनल, दूरदर्शन के राष्ट्रीय डीडी चैनल, डीडी न्यूज़ पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को यू-टयूब लिंक https://youtu.be/UQR9IJZQVWY पर देखा जा सकता है। उन्होंने आग्रह किया कि सभी इस कार्यक्रम का लाईव प्रसारण देखें ताकि विधिक सेवाओं एवं इस कार्यक्रम से होने वाले लाभ की जानकारी प्राप्त कर सकें।
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन ज़फ़र इकबाल ने नगर निगम सोलन के अन्तर्गत वार्ड नम्बर-1, 2 और 14 में सत्य नारायाण आवास से गुरूद्वारा तक के मार्ग को मुरम्मत एवं रखरखाव कार्य के लिए बन्द करने के आदेश दिए हैं। यह मार्ग 2 अक्तूबर से 4 अक्तूबर तक प्रातः 11.00 बजे से सांय 4.00 बजे तक बन्द रहेगा। यह आदेश मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए हैं।आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि उक्त समय अवधि में सम्पर्क मार्ग के बन्द होने से आमजन को कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। इस अवधि में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए प्रयुक्त वाहन, अग्निशमन सेवा वाहन तथा रोगी वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी।
राजकीय महाविद्यालय जोगिंद्र नगर में एनसीसी कैडेट्स तथा बीएससी के विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में एनसीसी कैडेट्स तथा बीएससी के विद्यार्थियों ने अपने विचार व्यक्त किए। जिसमें उन्होंने सफाई अभियान के महत्व को समझाते हूए इसे अपने जीवन में एक अहम हिस्सा बताया। एनसीसी कैडेट्स तथा बीएससी के विद्यार्थियों ने "स्वच्छ भारत एवं एक कदम स्वच्छता की ओर थीम पर आधारित पोस्टर तथा पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की। इसके उपरांत एनसीसी कैडेट्स ने महाविद्यालय कैंपस की सफाई भी की। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ सुनीता सिंह, एनसीसी एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ समजीत सिंह ठाकुर, प्रो० उत्तम भारद्वाज तथा डॉ चेतना शर्मा भी उपस्थित रहे।
जन-जन को विधिक अधिकारों की जानकारी प्रदान करने, समाज के कमज़ोर वर्गों एवं गरीब लोगों को विधिक सहायता उपलब्ध करवाने और उनके लम्बित विधिक मामलों को सुलझाने के उद्देश्य से देश में 2 अक्तूबर से 14 नवम्बर तक अखिल भारतीय जागरूकता एवं आउटरीच अभियान कार्यान्वित किया जाएगा। अभियान के अन्तर्गत सोलन जिला में भी जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी आज यहां जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी सोलन कपिल शर्मा ने दी। कपिल शर्मा ने कहा कि इस वर्ष देश की स्वतन्त्रता के 75 वर्ष पूर्ण करने की स्मृति में आज़ादी का महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर 8 से 14 नवम्बर तक विधिक सेवाएं सप्ताह तथा 2 अक्तूबर से 14 नवम्बर तक अखिल भारतीय जागरूकता एवं आउटरीच अभियान आरम्भ करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में सोलन जिला में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा विभिन्न स्तरों पर जन जागरूकता अभियान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के कमज़ोर वर्गों एवं गरीब व्यक्तियों को विधिक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। यह प्रयास किया जाएगा कि उनके लम्बित न्यायिक मामलों को सुलझाया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जन-जन विशेष रूप से ग्रामीण, जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के निवासियों को जानकारी के माध्यम से विधिक सेवा संस्थानों की कार्यप्रणाली से अवगत करवाना, निःशुल्क विधिक सेवाएं उपलब्ध करवाना, इन सभी समूहों को भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त उनके विधिक अधिकारों की जानकारी देना तथा अन्य कल्याणात्मक प्रावधानों के विषय में जागरूक बनाना है। इन सभी कार्यों का उद्देश्य विभिन्न समूहों का सशक्तिकरण सुनिश्चिित बनाना है। कपिल शर्मा ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इस अवधि में सोलन जिला के गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को विधिक जानकारी प्रदान करेगा। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव ने कहा कि सोलन जिला में कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रातः 7.00 बजे प्रभातफेरी से होगा। यह प्रभातफेरी जिला न्यायालय परिसर से आयोजित की जाएगी। तदोपरान्त प्रातः 10.00 बजे से विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम जिला कारागार सोलन, शेल्टर होम कथेड़, बाल आश्रम अर्की, शांति निकेतन सुबाथू, धर्मपुर, उप कारागार नालागढ़ एवं राजकीय महाविद्यालय कण्डाघाट में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का शुभारम्भ 2 अक्तूबर को किया जाएगा। इस 45 दिवसीय अभियान के शुभारम्भ के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द सहित भारत के मुख्य न्यायाधीश केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री, राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष, सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश, उच्च न्यायालयों के न्यायाधीश एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
नाहन: जिला सिरमौर में अगस्त 2020 से अब तक 10 गौसदनों का निर्माण किया जा चुका है, जबकि 2 अन्य गौसदनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन गौसदनो के निर्माण में सरकार द्वारा 61 लाख 13 हजार की राशि व्यय की गई है यह जानकारी ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि जिला में सरकार से वित्तीय सहायता प्राप्त करने वाले गौ सदनों में दुलेश्वर गौ सेवा संस्थान एवं आध्यातम उन्नति केंद्र बरहाल, महादेव गौ सेवा संस्थान एवं वेलफेयर सोसाइटी माजरा, गोकुलधाम गौशाला टोकियो, माता बाला सुंदरी गौशाला नाहन, काऊ सेंचुरी कोटला बड़ोग राजगढ़, लुटरु महादेव गौशाला कालाघाट, गौ सदन एम एल आई एस कोटला बडोग, मां रेणुका राधा कृष्ण मंदिर दादाहु, डॉ वाईएस परमार आरान्या गौ सदन कलोहा शकेन तहसील राजगढ़, हरि ओम गौशाला राजगढ़ प्रमुख है। प्रदेश सरकार द्वारा निराश्रित पशुओं को सहारा देने के लिए गोसदनों को प्रदान की जाने वाली वितीय सहायता योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 3 सितंबर 2020 को किया था। इस योजना के तहत प्रत्येक माह हर गौसदन को 500 रूपये प्रति पशु प्रदान किया जा रहा है। उन्होनें बताया कि स्थानीय स्तर गौसदन हेतु आवेदन करने के लिए गौ सदन का मालिक, पशु चिकित्सा अधिकारी व तहसीलदार/नायब तहसीलदार की कमेटी के समक्ष आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त उपमंडल स्तर पर मंडल अधिकारी व वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी कमेटी के सदस्य होगें। जबकि गौसदन को वितीय सहायता की राशि प्रदान करने के लिए जिला स्तरीय कमेटी जिसमें जिलाधीश, अध्यक्ष गौ सेवा आयोग के सदस्य, उपनिदेशक पशुपालन विभाग जो कि कमेटी के सदस्य होंगे के समक्ष गौसदन को वित्तीय सहायता के लिए आवेदन किया जा सकता है। यह कमेटी अपने स्तर पर जांच पड़ताल करने के बाद अनुमति देगी।
जिला कुल्लू व लाहौल-स्पिति सीमा पर विराजमान विश्व प्रसिद्ध पर्यटक गंतव्य 13050 फुट ऊंचा हिमाच्छादित रोहतांग दर्रा के दीदार के लिए देशी व विदेशी सैलानियों तथा वाहन चालकों को अब गुलाबा व कोकसर बैरियरों पर लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। रोहतांग पास परमिट की वैधता जांचने के लिए जिला प्रशासन कुल्लू ने राष्ट्रीय सूचना - विज्ञान केन्द्र (एनआईसी) हिमाचल प्रदेश के सहयोग से एक नई मोबाईल एप विकसित की है। इस सम्बंध में विस्तार से जानकारी देते हुए उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने बताया कि पहले ये काम काउंटर पर कंप्यूटर के द्वारा होता था और अब ये मोबाईल ऐप के द्वारा वाहन के पास जाकर ही परमिट को स्कैन करके चंद सैकेण्ड में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वाहन चालकों को अपना वाहन छोड़कर काउंटर पर जाने की जरूरत भी नहीं होगी, बल्कि बैरियर कर्मचारी ही अब उनके पास जाकर उनका परमिट जांच लेंगे। मोबाईल फोन से क्यू - आर कोड को स्कैन करना होगा और यह केवल एक बार ही होगा।
बड़े बुजुर्गों का सम्मान भारतीय संस्कारों व संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहा है। किन्तु भारत सहित आज समस्त विश्व में वृद्ध जनों की उपेक्षा हो रही है व उनके हितों को अनदेखा कर दिया जाता है। वृद्ध जनों के सम्मान व उनके हितों की ओर हमारा ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रति वर्ष 1अक्तूबर को अन्तर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस मनाया जाता है। इसी कड़ी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरयाँज में भी कोविड नियमों का पालन करते हुए प्रधानाचार्य प्रेम लाल नेगी की अध्यक्षता में अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस दिवस मनाया गया। एनएसएस प्रभारी दीपक ठाकुर के मार्गदर्शन में एनएसएस स्वयंसेवियों ने वृद्ध जनों के सम्मान, सेवा व सहायता का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य प्रेम लाल नेगी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को वृद्ध जनों के लिए समय देने व उनकी सेवा व सहायता के लिए प्रेरित किय। एनएसएस प्रभारी दीपक ठाकुर ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस मनाने के लिए एनएसएस स्वयंसेवियों को वर्चुअल माध्यम से प्रेरित किया गया था। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवियों ने अपने दादा दादी के साथ समय बिताया व उनका आशीर्वाद लेकर तस्वीरें एनएसएस प्रभारी को प्रेषित की।
मंडी संसदीय सीट के उपचुनाव को लेकर पंडित सुखराम परिवार के खिलाफ मुखर होते हुए कौल सिंह ने कहा कि हाईकमान को बीते चुनाव में हुई हार के मार्जन पर विचार करने के बाद ही टिकट फाइनल करना चाहिए। आठ बार के विधायक और पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने मंडी संसदीय सीट का उपचुनाव लड़ने से साफ इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि मेरे पास संसाधनों और धनराशि की कमी है। वर्ष 2022 में विधानसभा का आखिरी चुनाव लड़ना है। पार्टी जिसे भी मंडी से प्रत्याशी तय करेगी, उसके लिए पूरी मेहनत से काम किया जाएगा। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला पहुंचे कौल सिंह ने कहा कि बीते दिनों उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर के साथ मंडी संसदीय क्षेत्र का दौरा किया है। अधिकांश कार्यकर्ता मंडी से पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह के लिए टिकट चाहते हैं। प्रतिभा सिंह सबसे सशक्त उम्मीदवार हैं। हाईकमान नेे मुझसे भी चुनाव लड़ने को लेकर राय मांगी थी, लेकिन मैंने चुनाव लड़ने से इंकार किया है। मंडी संसदीय सीट में बीते चुनाव को छोड़कर आज तक भाजपा या कांग्रेस का कोई भी उम्मीदवार चार लाख मतों के अंतर से नहीं हारा है। उन्होंने भाजपा से मंत्री महेंद्र सिंह को चुनाव मैदान में उतरने की चेतावनी देते हुए कहा कि उपचुनाव में महेंद्र सिंह को हम आइना दिखाएंगे।
स्कूल प्रबन्धन समिति शिक्षा खण्ड दरंग -1 में खण्ड स्तरीय एसएमसी ट्रेनिंग कार्यक्रम का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल जोगिंदरनगर में किया गया। जिसमें 36 प्राथामिक, 9 माध्यामिक,1 उच्च एवं 8 राजकीय वरिष्ठ पाठशालाओं के एसएमसी प्रधान, 4 पंचायत प्रधान, 2 उपप्रधानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में खण्ड परियोजना अधिकारी महेश प्रसाद, उप प्रधानाचार्य दुर्गा सिंह, स्त्रोत समन्वयक एवं प्रधानाचार्य डा० सुनील ठाकुर ,शाखा प्रबंधक मती सुषमा, जिला परिषद विजय भाटिया, बीआरसी मनोज कटोच व अतुल लखन पाल विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने उपस्थित सदस्यों को एसएमसी गठन, कार्य, जिम्मेदारी की जानकारी, न्यू एजुकेशन पोलिसी के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोलन जिला के 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी शहज़ाद आलम ने अर्की विधानसभा क्षेत्र के उप निर्वाचन के लिए निर्वाचन सूचना जारी कर दी है। निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी निर्वाचन सूचना के अनुसार 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन पत्र 8 अक्तूबर तक उम्मीदवार अथवा उनके किसी प्रस्तावक द्वारा उपमण्डलाधिकारी कार्यालय अर्की में उपमण्डलाधिकारी के कक्ष में निर्वाचन अधिकारी अथवा तहसीलदार अर्की (सहायक निर्वाचन अधिकारी) को प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने का समय प्रातः 11.00 बजे से सांय 3.00 बजे तक रहेगा। नामांकन पत्र 8 अक्तूबर तक सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर अन्य किसी भी दिवस पर प्रस्तुत किए जा सकेंगे। निर्वाचन सूचना के अनुसार नामांकन पत्र उपमण्डलाधिकारी कार्यालय अर्की से उपरोक्त समय अवधि में प्राप्त किए जा सकते हैं। नामांकन पत्रों की छंटनी उपमण्डलाधिकारी कार्यालय अर्की में 11 अक्तूबर को प्रातः 11.00 बजे की जाएगी। नामांकन पत्र 13 अक्तूबर को सांय 3.00 बजे से पूर्व वापिस लिए जा सकेंगे। नामांकन वापिस लेने की सूचना उम्मीदवार, उनके किसी प्रस्तावक द्वारा अथवा उनके ऐसे निर्वाचन अभ्यर्थी द्वारा जिसे उम्मीदवार द्वारा लिखित में इसके लिए प्राधिकृत किया गया हो द्वारा निर्वाचन अधिकारी अर्की अथवा सहायक निर्वाचन अधिकारी अर्की को उपमण्डलाधिकारी कार्यालय अर्की में प्रस्तुत करनी होगी। निर्वाचन की स्थिति में मतदान 30 अक्तूबर, 2021 को होगा। मतदान प्रातः 8.00 बजे से सांय 6.00 बजे तक होगा। .
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ० विशाल शर्मा ने कहा कि मंडी लोकसभा उपचुनाव के दौरान विभिन्न राजनीतिक दल चुनाव प्रचार के दौरान रोड शो के साथ-साथ मोटर, बाइक व साईकिल रैली का आयोजन नहीं कर पाएंगे। इसके अलावा डोर-टू-डोर प्रचार के दौरान भी उम्मीदवार सहित केवल पांच व्यक्तियों को ही प्रचार करने की इजाज़त रहेगी। एसडीएम शुक्रवार को जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि लोकसभा उप चुनाव प्रचार अभियान के दौरान राजनीतिक दलों को इंडोर बैठक के दौरान कुल हाल की क्षमता के 30 प्रतिशत या अधिकतम 200 लोगों जिनमें से जो भी कम हो की ही अनुमति रहेगी, जबकि आउटडोर बैठक करने पर कुल क्षमता के 50 प्रतिशत या स्टार प्रचारक के दौरान अधिकतम एक हजार तथा अन्य मामलों में 500 लोगों जिनमें से जो भी कम हो की ही अनुमति रहेगी। जबकि उम्मीदवार, चुनाव एजेंट, पोलिंग एजेंट इत्यादि के लिए कोविड 19 की दोनों डोज़ लगी होना भी जरूरी रहेगा। इसके अतिरिक्त चुनाव आयोग द्वारा जारी आदर्श चुनाव आचार संहिता की सभी राजनीतिक दलों से कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित बनाने का भी आहवान किया। एसडीएम ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा जारी नवीन दिशा निर्देशों के तहत इस बार 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता पोस्टल बैलेट से भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर पाएंगे। इसके अलावा दिव्यांगजन तथा कोविड 19 संक्रमित व्यक्तियों के लिए भी पोस्टल बैलेट की सुविधा रहेगी। जिसके आधार पर भी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उन्हे पोस्टल बैलेट की सुविधा प्रदान करेंगे। उन्होनें बताया कि पोस्टल बैलेट की सुविधा वैकल्पिक रहेगी तथा जो मतदाता मतदान केंद्र पर जाकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना चाहते हैं वे अपना मत मतदान केंद्र में पहुंचकर इस्तेमाल कर सकते हैं।
अटल शिक्षा कुञ्ज कालूझंडा स्थित आईईसी यूनिवर्सिटी ने प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार, छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऑफलाइन कक्षाओं की शुरुआत कर दी है। इस अवसर पर कोरोना माहमारी को ध्यान में रखते हुए यूनिवर्सिटी परिसर को सैनिटाइज़ करवाने के साथ सभी कोविड दिशानिर्देशों का पालन करते हुए नये छात्रों का स्वागत किया गया। छात्रों को आईईसी यूनिवर्सिटी के सभी 17 विभागों, कोलेबोरेटर्स, प्लेसमेंट सेल और शिक्षा पद्धति के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम में छात्रों सहित अभिभावकों ने भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर आईईसी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० (डॉ०) जितेन्द्र सिंह ने छात्रों को मेहनत व लगन के साथ पढाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आईईसी यूनिवर्सिटी में हर वर्ष सैंकड़ों छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा ग्रहण करने यहां आते हैं जिनके लिए हाई-क्वालीफाईड स्टाफ को नियुक्त किया गया है। उन्होंने सभी को आईईसी यूनिवर्सिटी में सालाना की जाने वाली गतिविधियों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। छात्रों और अभिभावकों ने कार्यक्रम की खूब सराहना की और आईईसी यूनिवर्सिटी के शैक्षिक वातावरण में बेहतर परिणाम की आशा व्यक्त की।
शिक्षा विभाग में 25 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद यशपाल चौहान प्राथमिक विद्यालय छोगटाली से जेबीटी पद से सेवानिवृत्त हुए। उनकी सेवानिवृत्त पर स्कूल स्टाफ ने उन्हें विदाई पार्टी दी और उनकी उत्कृष्ठ सेवाओं को याद किया। उसके पश्चात यशपाल चौहान ने भी एक प्रीतिभोज का आयोजन किया। वर्ष 1996 से शिक्षा विभाग में नियुक्ति के पश्चात उन्होंने छोगटाली, सनियों दीदग, कुड़िया कडंग, झांगण व चोकर स्कूलों में सेवाएं दी।
भाजपा मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर ने अभिषेक राणा द्वारा की गई प्रेस वार्ता पर तंज कसा है। इस दौरान उन्होंने कि अक्सर हमने कहावत सुनी है नाच ना जाने आंगन टेढ़ा। उन्होंने कहा कि अभिषेक राणा ने खुद ही कांग्रेस सरकार को जाने-अनजाने आड़े हाथ ले लिया है। विधायक पुत्र वह मिसगाइडेड मिसाइल है जो अक्सर अपने ही घर में धमाका करती रहती हैं। कांग्रेस कार्यकाल में अगर भाजपा की तरह स्वास्थ्य संस्थानों में विकास हुआ होता तो आज केंद्र और भाजपा प्रदेश सरकार को इतनी मेहनत ना करनी पड़ती। उन्होंने कहा की हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के 6 बार मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हीं के पदाधिकारी स्वास्थ्य संस्थाओं और व्यवस्थाओं की जानकारियों पर सवाल उठा रहे है। इससे शर्मनाक कोई और बात नहीं हो सकती। विनोद ठेकुए ने कहा कि अभिषेक राणा नेअपने बयानों से हिमाचल के स्वास्थ्य संस्थानों पर भी उंगली उठा कर स्वास्थ्य कर्मियों को नीचा दिखाने की कोशिश की है उनका मानना यह है हिमाचली संस्थान जो अपने आंकड़े प्रस्तुत करता है वह सब गलत है।
उपमंडल बंजार के तहत आने वाली अंग्रेजों के ज़माने की तहसील एवं वर्तमान में पग्राम पंचायत पलाच को नशा मुक्त बनाने के लिए पंचायत के सदस्य, महिला मंडल व ग्रामीणों ने भांग उखाड़ो अभियान छेड़ा, जिसमें महिला मंडल, ग्राम पंचायत के सदस्यों व पुलिस ने भाग लिया। इस अभियान में महिला मंडल की महिलाओं ने भांग उखाड़ने की शुरुआत की जिसे सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायत के सदस्यों ने भी अपना योगदान दिया, ताकि दिन प्रतिदिन बढ़ रहे नशे के कारोबार पर अंकुश लगाकर युवाओं को इसकी चपेट में आने से बचाया जा सके। प्रधान कृष्ण देव ने इस मौके पर कहा कि पंचायत में जो नशे के पौधे उगे हैं उन्हें सरी पंचायत के लोगों तथा पंचायत के सदस्यों के द्वारा समय-समय पर नष्ट किया जाएगा।
हमीरपुर: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर शनिवार और रविवार को हमीरपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे तथा कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। प्रवास कार्यक्रम के अनुसार अनुराग सिंह ठाकुर शनिवार सुबह गगल हवाई अड्डे पर उतरने के तुरंत बाद सुजानपुर के लिए रवाना होंगे। वह सुबह 11 बजे सुजानपुर में मेडिकल जांच एवं रक्तदान शिविर और स्वच्छता अभियान का शुभारंभ करेंगे। दोपहर बाद 2 बजे वह सुजानपुर की निकटवर्ती ग्राम पंचायत दाड़ला में नंदघर के रूप में विकसित किए गए आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इसके पश्चात वह लगभग साढे तीन बजे मझोग खास में प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना के तहत बनी सडक़ का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वह हमीरपुर पहुंचेंगे तथा सर्किट हाउस में जनसमस्याएं सुनेंगे। रविवार सुबह करीब साढे नौ बजे केंद्रीय मंत्री गांव पंजोत में प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना से निर्मित सडक़ का उदघाटन करेंगे तथा उसके बाद 11 बजे टौणी देवी में युवा सम्मेलन में शिरकत करेंगे। दोपहर साढे बारह बजे अनुराग सिंह ठाकुर गांव जोल सप्पड़ में मेडिकल कॉलेज के नए परिसर के निर्माण कार्य का जायजा लेंगे और उसके पश्चात नादौन के गांव भरमोटी में सडक़ का लोकार्पण करने के उपरांत धर्मशाला रवाना हो जाएंगे।
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने शुक्रवार को गांव मुठाण के वृद्ध आश्रम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हरि सिंह ने की। उन्होंने कहा कि देश और समाज के विकास में वरिष्ठ नागरिकों का बहुत ही महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वृद्धावस्था में भी वे समाज और परिवार के लिए कुछ न कुछ योगदान देते हैं। इसलिए उन्हें उच्च सम्मान दिया जाना चाहिए। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा ने मुख्य अतिथि, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य सभी लोगों का स्वागत किया तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को हिमाचली टोपी, शॉल और बच्चों द्वारा तैयार किए गए सुंदर ग्रीटिंग कार्ड भेंट किए गए। वरिष्ठ नागरिकों के लिए म्यूजिकल चेयर रेस और अन्य गतिविधियां भी आयोजित की गईं। म्यूजिकल चेयर रेस में मुठाण लोहाखरियां के ख्याली राम प्रथम रहे। इस अवसर पर हीरानगर-कृष्णानगर वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष एसके धीमान, उपाध्यक्ष एनके शर्मा, महासचिव मिलाप चंद, तहसील कल्याण अधिकारी गीता मरवाहा, बाल विकास परियोजना अधिकारी बलवीर बिरला, बीडीसी सदस्य नीलम, ग्राम पंचायत कुठेड़ा के प्रधान सतपाल सिंह, टिब्बी की प्रधान अनीता देवी, मति टीहरा की प्रधान पुष्पा देवी, रोटरी क्लब और अन्य संस्थाओं के पदाधिकारी, आंगनबाड़ी कर्मचारी और अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
शिमला : प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा है कि उपचुनावों में हार सामने देख कांग्रेस नेता अनाप-शनाप बयानबाजी में जुट गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री एवं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल ने कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें राठौर ने प्रदेश सरकार से श्वेत पत्र मांगा है। उन्होंने राठौर से पूछा कि पिछले साल कोरोना संकट और लॉकडाउन के समय मास्क एवं सेनेटाइजर के नाम पर किसने फर्जी बिल बनाकर कांग्रेस हाईकमान को भेजे। उन्होंने यह भी कहा कि राठौर के नेतृत्व में कांग्रेस इतनी कमजोर हो गई है कि पार्टी के नेता चुनाव लड़ने से कतरा रहे हैं। यही वजह है कि राठौर अपनी नाकामी को छिपाने और अपने पद को बचाने के लिए कुछ भी बयान दे रहे हैं। भाजपा प्रदेश महामंत्री ने राठौर को कोरोना काल के दौरान जयराम सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों पर नजर दौड़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया महामारी से लड रही थी तो मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल में विकास कार्यों को रुकने नहीं दिया। आज हर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों के विकास कार्य हो रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि उपचुनाव में हार सामने देख आज कांग्रेस पूरी तरह से बौखला चुकी है।जम्वाल ने कहा कि वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में ही क्लास थ्री और क्लास फोर के पदों पर बाहरी राज्यों के लोगों के प्रवेश का रास्ता साफ हुआ था। उन्होंने कहा- आज कुलदीप सिंह राठौर बाहरी राज्यों के लोगों को नौकरी देने की बात कर रहे हैं जबकि उन्हें अपनी तत्कालीन सरकार में रह चुके मंत्रियों से पूछना चाहिए कि कितने पदों पर भाई-भतीजावाद से भर्तियां की गईं। यहां तक कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक में बाहरी राज्यों के लोगों को नियुक्ति दी थी।
देश में आजादी की 75वीं वर्षगांठ को आज़ादी के अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसी उपलक्ष्य में डाक विभाग द्वारा आज़ादी में योगदान देने वाले स्वतन्त्रता सेनानियों को सम्मानित करने हेतु देहरा डाक मण्डल कार्यालय द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उदेश्य आज़ादी में अहम भूमिका निभाने वाले स्थानीय स्वतन्त्रता सेनानियों के महत्वपूर्ण योगदान को आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर स्मरण व सम्मानित करना था।कार्यक्रम में डाडासीबा के पहाड़ी गांधी बाबा कांशी राम जो कि प्रसिद्ध स्वतन्त्रता सेनानी होने के साथ-साथ महान पहाड़ी कवि व साहित्यकार थे, गाँव बनेड़ डाक घर सिउल तहसील डाडासीबा के उधम सिंह जिन्होंने वर्ष 1942 में आज़ाद हिन्द फ़ौज में शामिल होकर आज़ादी में योगदान दिए व दौलतपुर अधीन कांगड़ा के ईश्वर दास को उनकी वीरता के लिए याद किया गया। इस दौरान अधीक्षक देहरा डाक मण्डल आर के चौधरी द्वारा फोटोयुक्त माई स्टैम्प व अन्य भेंट इन स्वतन्त्रता सेनानियों के परिवार से उपस्थित प्रतिनिधियों को सम्मान सहित प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान स्वतन्त्रता सेनानियों के परिवार से उपस्थित प्रतिनिधियों में विनोद शर्मा, रवि शर्मा, जरनैल सिंह व कमल चड्डा ने उनके योगदान के बारें में बताया। आरके चौधरी ने बताया भारतीय डाक विभाग द्वारा अमृत महोत्सव के चलते स्वतन्त्रता सेनानियों पर माई स्टैम्प जारी की जा रही है तथा इसी मुहिम के तहत देहरा डाक मण्डल द्वारा स्थानीय स्वतन्त्रता सेनानियों को सम्मानित किया गया है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल के 1334 पदों के लिए प्रस्तावित भर्ती पर भारत निर्वाचन आयोग की अनापत्ति के बाद शुक्रवार से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। भर्ती में भाग लेने के इच्छुक आवेदक www.recruitment.hppolice.gov.in पर सुबह आठ बजे से आवेदन कर सकेंगे। ऑनलाइन के अलावा इस बार ऑफलाइन भी आवेदन शुल्क जमा किया जा सकेगा। गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में एक बैठक हुई, जिसमें चुनाव आयोग को भेजे गए पत्र पर आपत्ति न आने के बाद जिलों से अलग से अधिसूचना कराने की बजाय सीधे आवेदन प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया गया है। पहले पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी भर्ती आदेश में संबंधित जिले की जिला भर्ती कमेटी को अलग से अधिसूचना जारी करने के लिए कहा गया था। लेकिन गुरुवार को तय हुआ कि चूंकि भर्ती को लेकर पुलिस मुख्यालय ने पहले ही अधिसूचना कर दी है, ऐसे में अलग से अधिसूचना नहीं निकाली जाएगी। उल्लेखनीय है कि पहले अलग से अधिसूचना जारी करने के चक्कर में आदर्श आचार संहिता की वजह से भर्ती पर पेंच फंस गया था। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय को भर्ती के संबंध में पत्र लिखकर जानकारी दी थी कि अधिसूचना पहले जारी हो चुकी है। साथ ही जिस एक महीने में चुनाव की प्रक्रिया पूरी होनी है, उस मियाद के दौरान पुलिस की भर्ती के लिए सिर्फ ऑनलाइन आवेदन लिए जाने हैं। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से चुनावों की तैयारियों में कोई दिक्कत नहीं होगी। अब सीईओ कार्यालय के आपत्ति न जताने के बाद भर्ती प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो जाएगी।
भाषा एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी, नारा लेखन, निबंध लेखन तथा भाषण आदी प्रतियोगिताओ का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय व सांत्वना स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया गया। इस बारे में जानकारी देते हुए प्रधानाचार्य राजेंद्र चौहान ने बताया कि उपरोक्त प्रतियोगिताओं में विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा भाग लिया गया । "नारा लेखन प्रतियोगिता" में विद्यालय के राहुल 11वीं कक्षा ने प्रथम जबकी गरिमा 12वीं कक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही "भाषण प्रतियोगिता" में द्वितीय स्थान रुपाली 9वी कक्षा द्वारा प्राप्त किया गया। प्रधानाचार्य ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई व शुभकामनाएं दी तथा अन्य सभी विद्यार्थियों को इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया । उन्होंने कहा कि भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है और विद्यार्थी भाषा व हमारी संस्कृति के हमारे जीवन मे महत्व के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करते है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता से विद्यार्थी के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने का भी मौका प्राप्त होता है और इसमें सभी विद्यार्थियों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इसके साथ ही स्कूल प्रबंधन समिति राजगढ़ के प्रधान अनिल पुंडीर ने भी सभी विजेता विद्यार्थियों के साथ साथ उनके अध्यापक व माता-पिता को भी बहुत-बहुत बधाई व शुभकामनाएं दी ।
अपनी मेहनत और पढ़ने की लगन से राजकीय माध्यमिक पाठशाला नगर स्यांवा कक्षा छठी के छात्र गौरव का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार के लिए हुआ है। गौरव कुनिहार के एक छोटे से गांव बैहली का निवासी है। अपनी पढ़ने की लगन से उसने नवोदय चयन की परीक्षा पास की व अपने माता पिता सहित गांव व विद्यालय का नाम रोशन किया है। उसकी इस कामयाबी से विद्यालय व गांव में खुशी की लहर है। शुक्रवार को विद्यालय प्रभारी बिशनचन्द्र व अन्य अध्यापकों ने गौरव को मिठाई खिलाकर उसके सफल व सुखद भविष्य की कामना कर उसे आशीर्वाद दिया।
हमीरपुर: राजकीय महाविद्यालय सुजानपुर टिहरा के एनसीसी कैडेट आदित्य शर्मा ने पंजाब हिमाचल हरियाणा डायरेक्टरेट की ओर से एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान कैंप में भाग लिया। इस कैंप में कर्नाटक और गोवा डायरेक्टरेट के कैडेट्स ने भी भाग लिया। आदित्य को इस कैंप में भाग लेने के लिए विभिन्न चयन प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ा। इस कैंप में उन्होंने प्रदेश के इतिहास भूगोल और अर्थव्यस्था की प्रस्तुति दी। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया। आदित्य ने कविता लेखन व वाचन प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० अजायब सिंह बन्याल ने आदित्य को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। साथ ही यूनिट कमांडिंग ऑफिसर राकेश ढल को आदित्य को यह अवसर देने के लिए धन्यवाद दिया।
लोगो को पानी की किल्लत होने के बाद भी, विभागीय कर्मचारी की लापरवाही के चलते छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के गेट के पास बने चेम्बर से पिछले कई महीनों से लगातार सड़क पर हजारों लीटर पानी बह रहा है। इस चेम्बर से बॉयज वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खण्ड विकास कार्यालय कलोनी सहित बहुत से पेय जल उपभोक्ताओं को पानी के कनेक्शन दिए गए है। पानी के बेतहाशा सड़को पर बहने से लोगो के घरों तक पर्याप्त मात्रा में पानी नही पहुंच पाने से समस्या पैदा हो गई है। विभाग के कर्मचारी द्वारा यंहा पर व्यर्थ सड़क पर बह रहे पानी को देख कर आंखे बंद कर लेना आश्चर्य की बात है। इस जगह बह रहे पानी से जंहा सीवरेज लाइन के चेम्बर के साथ साथ सड़क भी उखड़ने लगी है वही स्थानीय लोगो मे भी सड़क पर व्यर्थ बह रहे पानी के कारण विभाग के प्रति रोष है। स्कूली बच्चों व अन्य पैदल चलने वाले लोगों को भी इससे परेशानी हो रही है। कैप्टन प्रभु राम, मनोज गर्ग, चारु, सुभाष, कृष्ण कांत सहित कई पेयजल उपभोक्ताओं ने इस चेम्बर पर पिछले कई महीनों से लीकेज कर रहे इन पेयजल पाइपों को ठीक करने का आग्रह विभाग से किया हैं। ताकि सड़को पर व्यर्थ पानी भी न बहे व लोगो को पर्याप्त मात्रा में पानी भी मिले। इस बारे में जब जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता कैलाश भारद्वाज से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि जल्द ही इस चेम्बर में हो रही लीकेज को दरुस्त करवा दिया जायेगा, ताकि लोगो को पर्याप्त पेय जल मिल सके।
हमीरपुर: आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर केंद्रीय युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय का एक माह तक चलने वाला ‘क्लीन इंडिया’ अभियान शुक्रवार को हमीरपुर जिला में भी आरंभ हो गया। उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने हीरानगर के चिल्ड्रन पार्क से इस अभियान का शुभारंभ किया। नेहरू युवा केंद्र और विभिन्न विभागों, संस्थाओं तथा स्थानीय निकायों के सहयोग से आरंभ किया गया। यह अभियान 31 अक्तूबर तक चलेगा तथा इस दौरान जिले भर में स्वच्छता से संबंधित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। शुभारंभ अवसर पर चिल्ड्रन पार्क में बड़ी संख्या में उपस्थित नेहरू युवा केंद्र, एनएसएस और अन्य युवा संगठनों के वालंटियर्स, नगर परिषद विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और आम लोगों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान के दौरान जिले भर में प्लास्टिक का कचरा इकट्ठा किया जाएगा। इसके अलावा जलस्रोतों का संरक्षण एवं संवद्र्धन, गांवों का सौंदर्यीकरण और स्वच्छता से संबंधित अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों में नेहरू युवा केंद्र एक समन्वय एजेंसी के रूप में कार्य करेगा, जबकि अन्य विभाग, संस्थाएं और स्थानीय निकाय अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी है और इन्हें हमें अपनी आम दिनचर्या में शामिल करना होगा। तभी हम संपूर्ण स्वच्छता की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं।
पहली डोज में पहले स्थान पर आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश सरकार को दूसरी डोज में भी देशभर में नंबर वन आने की बात कही थी। इसी लक्ष्य को पूरा करते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज का 50 फीसदी लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार सरकार ने 53.77 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा है। मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को नवंबर तक टारगेट पूरा करने के निर्देश दिया हैं। 2011 की जनगणना के अनुसार प्रदेश सरकार ने 18 साल व इससे ज्यादा उम्र के 53.77 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा था। हालांकि, इस लक्ष्य को पार करते हुए 56,58,695 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई थी। 18 साल व इससे ज्यादा उम्र वालों की जनसंख्या में यह लक्षित लोग इसलिए बढ़ गए, क्योंकि प्रदेश में दस साल में जनसंख्या भी बढ़ी और बाहरी राज्यों के मजदूर और अन्य लोग भी इनमें शामिल हैं। प्रदेश में वैक्सीन लगाने के बाद कोरोना के मामले कम हुए हैं। हालांकि दूसरी डोज लगाने के बाद जो लोग पाजिटिव आए हैं, वे दूसरे से तीसरे दिन ठीक भी हो रहे हैं।
शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ज़िला रामपुर के कार्यकर्ताओं ने नितेश शर्मा सहमंत्री विहीप ज़िला रामपुर के नेतृत्व में उपमंडलाधिकारी रामपुर के माध्यम से मुख्यमंत्री हिमाचल, उपायुक्त शिमला और पुलिस अधीक्षक शिमला को ज्ञापन भेजा। इस ज्ञापन में सरकार और प्रशासन से धर्मांतरण कांड में पकड़े गए ईसाई मिशनरी के 3 लोगों को नव संशोधित धर्मांतरण कानून की धाराओं के तहत चार्जशीट बनाकर कड़ी सजा देने की मांग की है। विहीप ने ये चेतावनी दी है कि ये मामला हिंदुओ की भावनाओ से जुड़ा है और इन लोगों ने हमारी भावनाओ को आहत किया हैं। जल्द से जल्द इस विषय में प्रशासन द्वारा कोई कड़ी कार्यवाही अमल में नहीं लायी गयी तो विश्व हिंदू परिषद स्थानीय हिन्दू समाज के सहयोग से आंदोलन के लिए बाध्य हो जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस अवसर पर विनोद संगठन मंत्री विहीप ज़िला रामपुर, विष्णुशर्मा नगर अध्यक्ष विहीप, बालकृष्ण शर्मा प्रचार प्रसार प्रमुख विहीप ज़िला रामपुर, अनूप शर्मा बजरंग दल प्रखंड संयोजक रामपुर, चंद्र गौतम, कुशल सोनी और विभिन्न संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अल्का लांबा ने जिस प्रकार से भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बारे में टिपणी की है वह निंदनीय है। सुरेश कश्यप ने कहा कि अल्का लांबा अपनी ही काल्पनिक दुनिया में रहती है और समाज मे किस प्रकार के कार्य चल रहे है उसके बारे में ज्ञान नहीं रखती। चार दिवारी में बैठ कर पूरे हिमाचल प्रदेश के बारे में टिप्पणी करना ठीक नही है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता को भाजपा के शीर्ष नेतृव और हिमाचल की जनता से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। कश्यप ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश में जयराम सरकार युवाओं के लिए बढ़ चढ़ कर काम कर रही है जिससे युवाओं को नौकरी के अवसर भी मिल रहे है और युवा शक्ति को स्वरोजगार के भी अनेकों अवसर प्राप्त हो रहे है। आज हिमाचल के युवा रोजगार लेने वाला नहीं पर रोजगार देने वाला बन रहा है। आज हिमाचल पूरे देश में एक उदाहरण बन रहा है, जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका में है। कांग्रेस को हिमाचल में विकास होता दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश ने नशे को रोकने के लिए कई नीतियां बनाई है जिससे नशे पर लगाम लगी है। आज से पहले नशे के सौदागरो को संरक्षण प्राप्त होता था पर आज इन लोगों पर सीधी कार्यवाही हो रही है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार हिमाचल में नशे पर अंकुश लगाने के लिए बहु आयामी रणनीति अपनाकर राज्य को ‘ड्रग फ्री स्टेट’ बनाने लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश की सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पहल करते हुए हिमाचल के सभी पड़ोसी राज्यों को नशे के खिलाफ एकजुट किया था। इसके लिए साल 2019 में चंडीगढ़ में हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, राजस्थान के मुख्यमंत्रियों और जम्मू कश्मीर, केंद्र शासित क्षेत्र चंडीगढ़ व दिल्ली के उच्चाधिकारियों के साथ इस मसले पर गहन चर्चा की थी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जयराम सरकार पहली सरकार है जिसने उत्तर भारत के चार राज्यों के साथ मिलकर संयुक्त रणनीति बनाई। नशे की इस गंभीर समस्या से निपनटने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का भी गठन किया। जयराम सरकार में पुलिस ना केवल नशा तस्करों को दबोच रही है, बल्कि नशा बेचकर संपत्ति अर्जित करने वालों की संपत्ति भी सीज की जा रही है। प्रदेश में पिछले एक वर्ष में 19 विभिन्न मामलों में 11.37 करोड़ रुपये की सम्पत्ति अटैच और फ्रीज़ की गई, जिसमें जिला कुल्लू में 15 मामलों में 3.79 करोड़ रुपये की सम्पत्ति व जिला कांगड़ा के दो मामलों में 7.29 करोड़ रुपये की सम्पत्ति अटैच तथा जिला बिलासपुर के एक मामले में 18.31 लाख रुपये व जिला शिमला के एक मामले में 10.67 लाख रुपये के बैंक डिपोटिज फ्रीज़ किए गए हैं।
पुलिस थाना कुनिहार के अंतर्गत एक कार चालक द्वारा महिला को जख्मी करने का मामला दर्ज हुआ है। मामला वीरवार का है जब एक महिला अपने पति के साथ सड़क मार्ग से पैदल कुनिहार बाजार की तरफ जा रही थी। शिकायतकर्ता सरला निवासी गांव उच्चा गांव डा0 कुनिहार ने बताया कि वह दिन के समय अपने पति रवीश कुमार के साथ शिमला रोड़ नजदीक डम्प सड़क के बायीं और से जा रही थी तो पिछे कुनिहार की और एक गाड़ी (कार) आई जिसने उसे टक्कर मार दी जिससे इसे टाँग बाजू, पाँव आदी में चोटे लगी है। पति रविश कुमार के अनुसार गाड़ी का नम्बर HP 03 C 7224 है और गाड़ी चालक वहाँ रुकने के बजाए अपनी गाड़ी को लेकर वहा से भाग गया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रमेश शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
अनुसूचित जाति / जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबंधन समिति की बैठक अतिरिक्त उपायुक्त शिवम प्रताप सिंह की अध्यक्षता में उनके चेंबर में आयोजित की गई जिसमें समिति के सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि जिला कुल्लू में विभिन्न न्यायालयों में अनुसूचित जाति/ जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के अंतर्गत कुल 52 मामले लंबित हैं जिसमें से 30 मामले कुल्लू न्यायालय में तथा 22 मामले रामपुर न्यायालय में लंबित हैं। अधिकतर मामलों में पीड़ितों को राहत राशि की प्रथम तथा दूसरी किश्तो का भुगतान कर दिया गया है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाया जा सके। बैठक में जिला कुल्लू में पुलिस विभाग में अन्वेषण हेतु लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला कुल्लू में पुलिस विभाग के पास अन्वेषण हेतु 12 मामले लंबित हैं। 10 मामलों में राहत राशि की प्रथम किस्त प्रदान की जा चुकी है तथा 2 मामलों में पुलिस विभाग द्वारा कार्यवाही की जा रही है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के अंतर्गत मामले की जांच के दौरान आने वाले पीड़ितों को यात्रा/दैनिक भत्ता भी जिला कल्याण विभाग की ओर से प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय न्यास अधिनियम 1999 के अंतर्गत स्थानीय स्तरीय समिति की बैठक भी अतिरिक्त उपायुक्त शिवम प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें अधिनियम के तहत विभिन्न मुद्दों की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय न्यास अधिनियम, 1999 का मुख्य उद्देश्य स्वपरायणता, अंगघात, मानसिक मंदता और बहू निशकतता ग्रस्त व्यक्तियों के 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के उपरांत उनकी ओर से माता-पिता व उनके रिश्तेदार वैधानिक रूप से कोई निर्णय नहीं ले सकते हैं। इसलिए विशेष विषयों पर निर्णय लेने हेतु वैधानिक रूप से कानूनी संरक्षक बनाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय न्यास अधिनियम, 1999 के अंतर्गत जिला कुल्लू में अब तक 171 कानूनी संरक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है। इस अवसर पर जिला न्यायावादी एन एस चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र, जिला कल्याण अधिकारी समीर चंद, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकुमारी के अतिरिक्त समिति के अन्य सरकारी व गैर सरकारी सदस्य भी उपस्थित रहे।


















































