भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अल्का लांबा ने जिस प्रकार से भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बारे में टिपणी की है वह निंदनीय है। सुरेश कश्यप ने कहा कि अल्का लांबा अपनी ही काल्पनिक दुनिया में रहती है और समाज मे किस प्रकार के कार्य चल रहे है उसके बारे में ज्ञान नहीं रखती। चार दिवारी में बैठ कर पूरे हिमाचल प्रदेश के बारे में टिप्पणी करना ठीक नही है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता को भाजपा के शीर्ष नेतृव और हिमाचल की जनता से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। कश्यप ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश में जयराम सरकार युवाओं के लिए बढ़ चढ़ कर काम कर रही है जिससे युवाओं को नौकरी के अवसर भी मिल रहे है और युवा शक्ति को स्वरोजगार के भी अनेकों अवसर प्राप्त हो रहे है। आज हिमाचल के युवा रोजगार लेने वाला नहीं पर रोजगार देने वाला बन रहा है। आज हिमाचल पूरे देश में एक उदाहरण बन रहा है, जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका में है। कांग्रेस को हिमाचल में विकास होता दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश ने नशे को रोकने के लिए कई नीतियां बनाई है जिससे नशे पर लगाम लगी है। आज से पहले नशे के सौदागरो को संरक्षण प्राप्त होता था पर आज इन लोगों पर सीधी कार्यवाही हो रही है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार हिमाचल में नशे पर अंकुश लगाने के लिए बहु आयामी रणनीति अपनाकर राज्य को ‘ड्रग फ्री स्टेट’ बनाने लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश की सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पहल करते हुए हिमाचल के सभी पड़ोसी राज्यों को नशे के खिलाफ एकजुट किया था। इसके लिए साल 2019 में चंडीगढ़ में हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, राजस्थान के मुख्यमंत्रियों और जम्मू कश्मीर, केंद्र शासित क्षेत्र चंडीगढ़ व दिल्ली के उच्चाधिकारियों के साथ इस मसले पर गहन चर्चा की थी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जयराम सरकार पहली सरकार है जिसने उत्तर भारत के चार राज्यों के साथ मिलकर संयुक्त रणनीति बनाई। नशे की इस गंभीर समस्या से निपनटने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का भी गठन किया। जयराम सरकार में पुलिस ना केवल नशा तस्करों को दबोच रही है, बल्कि नशा बेचकर संपत्ति अर्जित करने वालों की संपत्ति भी सीज की जा रही है। प्रदेश में पिछले एक वर्ष में 19 विभिन्न मामलों में 11.37 करोड़ रुपये की सम्पत्ति अटैच और फ्रीज़ की गई, जिसमें जिला कुल्लू में 15 मामलों में 3.79 करोड़ रुपये की सम्पत्ति व जिला कांगड़ा के दो मामलों में 7.29 करोड़ रुपये की सम्पत्ति अटैच तथा जिला बिलासपुर के एक मामले में 18.31 लाख रुपये व जिला शिमला के एक मामले में 10.67 लाख रुपये के बैंक डिपोटिज फ्रीज़ किए गए हैं।
पुलिस थाना कुनिहार के अंतर्गत एक कार चालक द्वारा महिला को जख्मी करने का मामला दर्ज हुआ है। मामला वीरवार का है जब एक महिला अपने पति के साथ सड़क मार्ग से पैदल कुनिहार बाजार की तरफ जा रही थी। शिकायतकर्ता सरला निवासी गांव उच्चा गांव डा0 कुनिहार ने बताया कि वह दिन के समय अपने पति रवीश कुमार के साथ शिमला रोड़ नजदीक डम्प सड़क के बायीं और से जा रही थी तो पिछे कुनिहार की और एक गाड़ी (कार) आई जिसने उसे टक्कर मार दी जिससे इसे टाँग बाजू, पाँव आदी में चोटे लगी है। पति रविश कुमार के अनुसार गाड़ी का नम्बर HP 03 C 7224 है और गाड़ी चालक वहाँ रुकने के बजाए अपनी गाड़ी को लेकर वहा से भाग गया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रमेश शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
अनुसूचित जाति / जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबंधन समिति की बैठक अतिरिक्त उपायुक्त शिवम प्रताप सिंह की अध्यक्षता में उनके चेंबर में आयोजित की गई जिसमें समिति के सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि जिला कुल्लू में विभिन्न न्यायालयों में अनुसूचित जाति/ जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के अंतर्गत कुल 52 मामले लंबित हैं जिसमें से 30 मामले कुल्लू न्यायालय में तथा 22 मामले रामपुर न्यायालय में लंबित हैं। अधिकतर मामलों में पीड़ितों को राहत राशि की प्रथम तथा दूसरी किश्तो का भुगतान कर दिया गया है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाया जा सके। बैठक में जिला कुल्लू में पुलिस विभाग में अन्वेषण हेतु लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला कुल्लू में पुलिस विभाग के पास अन्वेषण हेतु 12 मामले लंबित हैं। 10 मामलों में राहत राशि की प्रथम किस्त प्रदान की जा चुकी है तथा 2 मामलों में पुलिस विभाग द्वारा कार्यवाही की जा रही है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के अंतर्गत मामले की जांच के दौरान आने वाले पीड़ितों को यात्रा/दैनिक भत्ता भी जिला कल्याण विभाग की ओर से प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय न्यास अधिनियम 1999 के अंतर्गत स्थानीय स्तरीय समिति की बैठक भी अतिरिक्त उपायुक्त शिवम प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें अधिनियम के तहत विभिन्न मुद्दों की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय न्यास अधिनियम, 1999 का मुख्य उद्देश्य स्वपरायणता, अंगघात, मानसिक मंदता और बहू निशकतता ग्रस्त व्यक्तियों के 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के उपरांत उनकी ओर से माता-पिता व उनके रिश्तेदार वैधानिक रूप से कोई निर्णय नहीं ले सकते हैं। इसलिए विशेष विषयों पर निर्णय लेने हेतु वैधानिक रूप से कानूनी संरक्षक बनाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय न्यास अधिनियम, 1999 के अंतर्गत जिला कुल्लू में अब तक 171 कानूनी संरक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है। इस अवसर पर जिला न्यायावादी एन एस चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र, जिला कल्याण अधिकारी समीर चंद, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकुमारी के अतिरिक्त समिति के अन्य सरकारी व गैर सरकारी सदस्य भी उपस्थित रहे।
30 सितंबर-1 अक्टूबर को लाहौल क्षेत्र में होने वाले पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के मतदान के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नीरज कुमार ने बताया कि 1 अक्टूबर को लाहौल क्षेत्र की 16 पंचायतों में मतदान की प्रक्रिया पूरी होगी। मतदान का समय सुबह 7 बजे से लेकर 3 बजे तक रहेगा। उपायुक्त ने ये भी बताया कि लाहौल क्षेत्र की 16 पंचायतों में होने वाले दूसरे चरण के मतदान में कुल 8285 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 4144 पुरुष जबकि 4141 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए 80 मतदान केंद्रों की स्थापना की गई है। मतदान के इस कार्य को अंजाम देने के लिए 320 कर्मियों के अलावा 16 सहायक रिटर्निंग अधिकारी भी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी तैनात रहेगा। उपायुक्त ने बताया कि 1 अक्टूबर को सलग्रां, तिंगरेट, मडग्राम, शकौली, जुंडा, किशौरी, नालडा, शांशा, रानिका, तांदी, मूलिंग, यूरनाथ, कोलोग, कारदंग, गोंधला और सिस्सु पंचायतों में पंचायती राज संस्थाओं के लिए मतदान होगा। ग्राम पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए मतों की गिनती 1 अक्टूबर को ही की जाएगी। जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गिनती 4 अक्टूबर को ब्लॉक मुख्यालय पर सुबह 8:30 बजे से शुरू होगी। पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की यह पूरी प्रक्रिया 6 अक्टूबर को संपन्न होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी व् उपायुक्त लाहौल एवं स्पीती नीरज कुमार ने वीरवार को जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 2- मंडी संसदीय क्षेत्र से लोक सभा उप-निर्वाचन की घोषणा दिनांक 28 सितम्बर को होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता के प्रावधान लागू हो चुके हैं और इस जिला में 30 अक्टूबर 2021 को मतदान की तिथि घोषित की गई है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशानुसार लोकसभा उप–निर्वाचन 2021 के दौरान मतदाता दिवस और मतगणना दिवस पर मतदान केन्द्रों तथा मतगणना स्थलों पर मतदान कार्मिकों/मतदाताओं के लिए जल की समुचित व्यवस्था की जानी नितांत आवश्यक है। अतः जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता को सभी मतदान केन्द्रों/ मतगणना स्थलों पर पेयजल सुविधा का प्रबन्ध करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
वीरवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ज़िला रामपुर के कार्यकर्ताओं ने नितेश शर्मा सहमंत्री विहीप ज़िला रामपुर के नेतृत्व में उपमंडलाधिकारी रामपुर के माध्यम से मुख्यमंत्री हिमाचल, उपायुक्त शिमला और पुलिस अधीक्षक शिमला को ज्ञापन दिया। इस ज्ञापन में सरकार और प्रशासन से धर्मांतरण कांड में पकड़े गए ईसाई मिशनरी के 3 लोगों को नव संशोधित धर्मांतरण कानून के तहत धाराओं के तहत चार्जशीट बना कर कड़ी सजा दिलाई जाए। विहीप ने ये चेतावनी दी है कि ये मामला हिंदुओ की भावनाओ से जुड़ा है और इन लोगो ने हमारी भावनाओ को आहत किया हैं ।जल्द से जल्द इस विषय मे प्रशासन द्वारा कोई कड़ी कार्यवाही अमल में न लायी गयी तो विश्व हिंदू परिषद स्थानीय हिन्दू समाज के सहयोग से आंदोलन के लिए बाध्य हो जाएगा जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस अवसर पर विनोद संगठन मंत्री विहीप ज़िला रामपुर, विष्णुशर्मा नगर अध्यक्ष विहीप, बालकृष्ण शर्मा प्रचार प्रसार प्रमुख विहीप ज़िला रामपुर, अनूप शर्मा बजरंग दल प्रखंड संयोजक रामपुर, चंद्र गौतम, कुशल सोनी और विभिन्न संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शिमला कच्ची घाटी में गुरुवार शाम को एक 8 मंज़िला भवन भर भराकर गिर गया। इस 8 मंजिला भवन के गिरने से आस-पास के दर्जन भर अन्य भवनों को भी खतरा पैदा हो गया है। दर्शन कॉटेज नामक इस भवन में फ्लैट बनाकर बेचे गए थे। इस भवन की चपेट में आने से दूसरी दो मंजिला बिल्डिंग भी गिर गई है जबकि साथ लगते दर्जन भर भवनों को भी खतरा है। बता दें कि शिमला में 4 मंजिला से अधिक भवन बनाने की मंजूरी नहीं है। अब तो एनजीटी ने अढ़ाई मंजिल से अधिक इमारत बनाने पर रोक लगा दी है। फिलहाल भवनों को खाली करवा दिया गया है। इस बिल्डिंग को भी खाली कर दिया गया था जिस कारण से बड़ा हादसा और जानी नुकसान टल गया।
वीरवार को व्यापार मंडल जोगिन्दर नगर के अध्यक्ष अजय धरवाल के नेतृत्व में रेहड़ी फड़ी वालों ने उपमंडलाधिकारी नागरिक को ज्ञापन सौंपा ओर मांग की कि पथ विक्रेता (जीविका सरंक्षण ओर पथ विक्रय विनियम अधिनियम 2014 (2014 का अधिनियम संख्या 17) के अंतर्गत जोगिन्दर नगर से मच्छयाल रोड में जो रेहड़ी फड़ी वाले स्ट्रीट वेंडर एक्ट के तहत रजिस्ट्रेशन करवा कर बैठें है उन्हें लोक निर्माण विभाग द्वारा मौखिक रेहड़ी फड़ी हटाने को कहा जा रहा है जो कि स्ट्रीट वैंडिंग ऐक्ट की अवहेलना है। साथ ही माननीय सर्वोच्च न्यायायल के आदेशों की भी अवहेलना है। अतः व्यापार मंडल ने मांग की कि लोक निर्माण विभाग को उचित दिशा निर्देश दें ताकि गरीब रेहड़ी फड़ी वालों की रोजी रोटी पर आंच न आए। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडिंग एक्ट में दर्ज रेहड़ी फड़ी वाले को तब तक उसके स्थान से हटाया नहीं जा सकता जब तक कि उसे अन्य जगह उपलब्ध न करवायी जाए। इस पर उपमंडलाधिकारी नागरिक ने लोक निर्माण विभाग को उचित आदेश जारी करने का भरोसा दिया। व्यापार मंडल ने कहा कि यदि प्रशासन विभाग को उचित दिशा निर्देश नहीं देता है तो प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने को उन्हें मजबूर होना पड़ेगा।
नेहरू युवा केंद्र संगठन रिकांगपिओ किन्नौर जिला में 1 अक्तूबर से 31अक्तूबर, 2021 तक स्वच्छ भारत अभियान चलाएगा जिसमें नेहरू युवा केंद्र से जुड़े युवा कल्ब, सरकारी संस्थान जिनमें पंचायती राज संस्थान व गैर सरकारी संस्थान भी शामिल होंगे। उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने वीरवार को स्वच्छ भारत अभियान बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि इस अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छ भारत-सुरक्षित भारत के तहत सफाई व स्वच्छता के बारे में जागरूक किया जाएगा तथा उन्हें अपने आस-पास के क्षेत्र को स्वच्छ व कूड़ा-कचरा रहित बनाने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन भागीदारी से "स्वच्छ भारत-सुरक्षित भारत" नारे के माध्यम से जन आंदोलन का रूप देना है। उपायुक्त ने बताया कि इस दौरान ठोस कचरे को एकत्रित करने के लिए घर-घर जाकर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा तथा गांव के ऐतहासिक धरोहरों, सामुदायिक केद्रों, स्कूली भवनों, युवा/महिला मण्डल भवनों, पंचायत भवनों का सौंदर्यीकरण व रख-रखाव के बारे लोगों को जागरूक किया जाएगा। वही पारम्परिक जल-स्त्रोतों की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य में जिला प्रशासन, पंचायती राज संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक संस्थानों व सामुदायिक आधारित संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा। इस कार्य के लिए जिला स्तरीय कमेटी का गठन किया जाएगा तथा कार्य को अमली जामा पहनाने के लिए एक कार्य योजना बनाई जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि 1 अक्तूबर को रिकांगपिओ बाजार में एक प्रभात-फेरी का आयोजन किया जाएगा जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को सफाई व स्वच्छता के प्रति जागरूक करना होगा जिसमें नेहरू युवा केंद्र के कार्यकर्ताओं के अलावा पंचायती राज, महिला मण्डल, युवक मण्डल व अन्य संगठनों के सदस्यों को शामिल किया जाएगा। उन्होेंने बताया कि 2 अक्तूबर को नेहरू युवा केंद्र व एन.एस.एस के युवाओं द्वारा दौड़ के साथ-साथ कचरे को एकत्रित किया जाएगा, जबकि 3 अक्तूबर को धार्मिक संस्थाओं द्वारा, 4 व 5 अक्तूबर को सहकारी क्षेत्र के, 10 अक्तूबर को पुलिस, मीडिया व अर्धसैनिक बलों, 11 व 12 अक्तूबर को राजनैतिक नेताओं जिनमें पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे, 13 व 14 अक्तूबर को गैर-सरकारी संस्थाओं व नागरिक समाज, 18 व 19 अक्तूबर को व्यापार मंडल द्वारा, 20 व 21 को महिलाओं से जुड़े संगठनों द्वारा, 22 से 23 अक्तूबर को शिक्षकों द्वारा, 23 अक्तूबर को ही वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा, 25 व 26 अक्तूबर को शिक्षकों व वनविभाग के कर्मचारियों द्वारा, 27 व 28 अक्तूबर को डाक व दूर-संचार कर्मियों को तथा 31 अक्तूबर को नेहरू युवा केंद्र व एन.एस.एस के युवाओं द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सिंगल-यूज प्लास्टिक को खण्ड व जिला स्तर पर इकट्ठा किया जाएगा जिसका बाद में वैज्ञानिक ढंग से निपटान सुनिश्चित बनाया जाएगा।
गुरुवार को आम आदमी पार्टी ज्वालामुखी विधानसभा के कार्यकारी अध्यक्ष अमित कपूर ने कार्यकारिणी पदाधिकारियों, उपाध्यक्ष हरिओम, एससी विंग के अध्यक्ष सीताराम, युवा विंग के संगठन मंत्री अनिल चौधरी और महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष अनीता सूद के साथ अस्पताल परिसर का दौरा किया। उन्हें जानकारी मिली थी कि अस्पताल परिसर से जो शॉटर्कट सीढ़ियां हैं, वह तोड़ दी गई हैं। इन सीढ़ियों को तोड़े जाने से मरीजों बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर से बस स्टॉप की तरफ मुख्य गेट से होकर जाने में काफी लंबा चक्कर पड़ता है। इस बारे में खंड चिकित्सा अधिकारी ने अमित कपूर को बताया कि यह प्रोजेक्ट सरकार की तरफ से है और इसका नक्शा पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाया गया है। इस बारे में आम आदमी पार्टी कि यह मांग है कि सबसे पहले अस्पताल परिसर से बस स्टॉप की तरफ एक शॉर्टकट रास्ता बनाया जाए और बाद में अस्पताल भवन का निर्माण किया जाए। क्योंकि भवन निर्माण क़ी अवधि महीनों से सालों के बीच हो सकती है और मरीजों व उनके तीमारदारों को असुविधा का सामना ना करना पड़े। अमित कपूर ने यह भी कहा कि अस्पताल परिसर में जो आवासीय परिसर बनाया गया है जिसे बनाने में करोड़ों रुपया लगा है वह भी सफेद हाथी साबित हो रहा है। जिसका वर्तमान समय में कोई उपयोग नहीं है। इस बारे में खण्ड चिकित्सा अधिकारी ज्वालामुखी डॉक्टर पवन से बात की गई। उन्होंने बताया की अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है वहीं प्रोजेक्ट सरकार की तरफ से है और इसका नक्शा पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाया गया है । जब इस बारे में एसडीओ पीडब्ल्यूडी ज्वालामुखी हुकुम चन्द से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है अस्थाई तोर पर इन सीढ़ियों को तोड़ा गया है। अस्पताल निर्माण के उपरांत ही इन सीढ़ियों को आवश्यकतानुसार फिर से बना दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने गुरुवार को उप-चुनाव के तहत मीडिया प्रमाणन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्णय अनुरूप इलेक्ट्रॉनिक मीडिया अथवा अन्य माध्यमों पर विज्ञापनों एवं पेड न्यूज का पूर्वालोकन, जांच, पुष्टि व प्रमाणीकरण समिति द्वारा किया जाना आवश्यक है ताकि प्रचार परम्परा में गलत आचरण को रोका जा सके। उन्होनें कहा कि उम्मीदवारों व राजनितिक दलों द्वारा अपने अपने उम्मीदवारों के पक्ष में समाचार पत्र, इलेक्ट्रॉनिक मिडिया एवं सोशल मीडिया में किए जाने वाले प्रचार प्रसार के नियमित समीक्षा एवं व्यय का आंकलन समिति द्वारा किया जाना आवश्यक है, जिसके संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस संबंध में सभी प्रचार माध्यमों तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने विज्ञापनों को समिति के प्रमाणीकरण के बाद ही इलेक्ट्रॉनिक अथवा प्रेस में छापने की अपील की। उन्होंने इस संबंध में सम्पूर्ण व्यय ब्यौरा समय-समय पर समिति के समक्ष प्रस्तुत करने को भी कहा ताकि पर्यवेक्षकों को जानकारी उपलब्ध करवाई जा सके।
जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, सिरमौर द्वारा गुरुवार को आजादी का अमृत महोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता उप - निदेशक एवं परियोजना अधिकारी अंचित डोगरा द्वारा की गई। जिसमें जिला के अधिकांश डिजी सखी, प्रधान, उपप्रधान तथा वार्ड सदस्यों द्वारा भाग लिया गया। समारोह में ई-गर्वेनस उपायुक्त कार्यालय नाहन के जिला प्रबंधक आशुतोष सिंह तथा गौरव चौहान द्वारा उप-निदेशक एवं परियोजना अधिकारी की अध्यक्षता में उपस्थित डिजी सखी तथा प्रधान, उपप्रधान तथा वार्ड सदस्यों को डिजी पेय के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया। इस अवसर पर उप - निदेशक एवं परियोजना अधिकारी ने डिजी सखी को कॉमन सर्विस सेंटर प्रमाण पत्र प्रदान किए।
अपार आस्था और श्रद्धा का प्रतीक कुल्लू दशहरा उत्सव 15 अक्तूबर से 21अक्टूबर तक मनाया जा रहा है। समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधीश आशुतोष गर्ग ने कहा कि देव समाज तथा लोगों की भावनाओं और आस्था का सम्मान करते हुए श्रद्धा पूर्वक देवी देवताओं को दशहरा उत्सव में पधारने के लिए निमंत्रण दिया जाएगा। आशुतोष गर्ग ने कहा कि जिला के कुल 332 देवी देवता प्रशासन के पास पंजीकृत हैं और इन सभी देवी देवताओं को बाकायदा दशहरे के लिए निमंत्रण पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा भी कुछ और देवी देवता दशहरा उत्सव में भाग लेते हैं। उनका भी स्वागत और सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि जो देवता दशहरा उत्सव में आएंगे वह इसकी सूचना तहसीलदार मित्र देव को समय पर दे। कोविड-19 के इस दौर में दशहरा उत्सव का स्वरूप किस प्रकार का रहेगा इसको लेकर मुख्यमंत्री स्तर पर मंत्री स्तर पर तथा जिला व प्रशासन स्तर पर अनेक बार देव समाज व कार दारों के साथ मंथन हो चुका है और जो कुछ भी सुझाव आए उन्हीं को ध्यान में रखते हुए इस बार देवी देवताओं का यह महाकुंभ उत्सव में देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा देवताओं के लिए बैठने और उपयुक्त स्थान की अच्छे से व्यवस्था की जाएगी, कार दारों तथा देवलूओं सभी का ख्याल रखा जाएगा। जिलाधीश ने कार दार संघ, देवलुओं व बजंतरियों सहित तमाम लोगों से अपील की है कि कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज़ दशहरा उत्सव से पहले प्राप्त कर लें और जिला प्रशासन का इस बात के लिए सहयोग करें कि आप दोनों डोज प्राप्त करने के बाद महामारी से पूरी तरह सुरक्षित हैं।
विश्वप्रसिद्ध ज्वालामुखी के दरबार में गुरुवार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर पहुंचे और विधि पूर्वक माता की पूजा अर्चना की और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर मंदिर अधिकारियों ने उन्हें माता का सिरोपा और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया। बताया जा रहा है प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर फतेहपुर की ओर जा रहे थे वहीं माता के मंदिर में उन्होंने शीश नवाया साथ ही माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।इस दौरान दीपक शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, युवा कांग्रेस कांगड़ा महासचिव नीरज शर्मा, महामंत्री सादिक मोहम्मद इत्यादि उपस्थित रहे।
कृषि विभाग ने राष्ट्रीय बांस मिशन के अंतर्गत एकत्रित कृषि प्रणाली पर एक दिवसीय कार्यशाला का किया आयोजन सोनाक्षी सिंह तोमर की अध्यक्षता में किया गया। उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि तथा उद्यान विभागों द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत दि जा रही वित्तिय सहायता का लाभ लेने के लिए आगे आना चाहिए। मुख्यातिथि ने प्राकृतिक खेती को बढावा देने हेतु किसानों से आग्राह किया कि वो इस पद्धति को आने वाले समय में भी जारी रखें ताकि लोगों तक जहर मुक्त खाद्य उत्पाद पहुँच सकें और स्वास्थय के साथ साथ पर्यावरण को भी शुद्ध रख सकें। मुख्यातिथि द्वारा इस कार्यशाला के दौरान कृषि में उत्कृष्ट कार्य कर रहे किसानों को भी सम्मानित किया गया। अन्य विभागों से आए हुए अधिकारियों को भी मुख्यातिथि द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अन्य महिलाओं को प्रेरित करने को कहा। कार्यशाला के दौरान उपनिदेशक कृषि विभाग डॉ राजेंदर ठाकुर ने एकत्रित कृषि प्रणाली के बारे किसानों को अवगत करवाया। उपनिदेशक पशुपालन विभाग डॉ नीरू शबनम ने किसानों को रेबीज के बारे जागरूक किया। इसके अतिरिक्त, उपनिदेशक उद्यान विभाग डॉ सतीश शर्मा, परियोजना निदेशक (आत्मा) डॉ साहब सिंह, जाईका परियोजना डॉ राम नाथ, विपणन सचिव एपीएमसी डॉ राज कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे, जिन्होंने अपने-अपने विभाग से सम्बन्धित चुनौतियों, अवसर व योजनाओं बारे किसानों को अवगत करवाया।
आज़ादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष पर जिला सिरमौर को सिंगल यूज प्लास्टिक कचरे से मुक्त करने के लिए 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक स्वच्छ सिरमौर अभियान चलाया जाएगा।सिरमौर की अतिरिक्त उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत देश के सभी 744 जिलों में सिंगल यूज प्लास्टिक इकत्रित किया जाएगा, जिसके अर्न्तगत जिला सिरमौर में एक माह के स्वच्छता कार्यक्रम के दौरान 5484 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस स्वच्छ सिरमौर अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना है, जिसके लिए लोगों को संगठित करना और स्वच्छ भारत पहल में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है और जनभागीदारी से इस कार्यक्रम को सफल बनाना है। यह अभियान जिला के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा, जिसमें नेहरू युवा केंद्र के अंतर्गत पंजीकृत 150 युवक मंडलों के लगभग 2000 से अधिक युवा इस स्वच्छ सिरमौर कार्यक्रम से जुड़ेंगे। जो कि घर द्वार से कूड़ा एक़ित्रत करने के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरुक करेंगे। इसके अतिरिक्त सभी उपमंडल अधिकारी, खंड विकास अधिकारी व नगर पालिका परिषदों के सदस्य भी अपनें कार्य क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यक्रम चलाएंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान में बेहतर कार्य करने वाले युवक मंडलों व स्वंयसेवियों को जिला स्तर पुरस्कृत किया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत कूड़ा के हॉटस्पॉट क्षेत्रों की सफाई के अतिरिक्त जिला के सभी पर्यटन स्थल, शिक्षण संस्थान, बस स्टैंड, राष्ट्रीय राजमार्ग, ऐतिहासिक और विरासत भवन, धार्मिक संस्थान, अस्पताल और जल संसाधनों के आसपास की सफाई भी की जाएगी।
कोई बिना कपड़े के न रहे, नंगे पांव न घूमे, बिना बर्तन के खाना न बना सके, पढ़ाई में किसी प्रकार की कोई कमी न आए। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए रेड क्रॉस सोलन ने गरीबों की मदद करने का नायाब तरीका ढूंढा है। पहली बार सोलन की कुछ सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर रेड क्रॉस सोलन दान उत्सव का आयोजन कर रहा है, जिसमें लोगों से जूते, बर्तन, किताबें, समय व आर्थिक सहायता देने की अपील की गई है। पुराने जिलाधीश कार्यालय में 7 दिवसीय मेले का आयोजन 2 से 8 अक्तूबर को होगा। 5 अक्तूबर तक सामान एकत्रित किया जाएगा और 7-8 अक्तूबर को उसी स्थान पर जरूरतमंदों को वितरित किया जाएगा। रेड क्रॉस संस्था के पैट्रन अरुण त्रेहन ने बताया कि गूंज, समर्पणं, हिम फ्रेंड्स, शूलिनी युनिवर्सिटी, केयर एंड शेयर, जस्ट अर्थ, रोटरी क्लब, रोटरी क्लब सिटी, रोटरी क्लब मिडटाऊन, लायंस क्लब, लायंस क्लब सोलन वैली, लायंस क्लब गोल्ड, इन्नरव्हील क्लब, इन्नरव्हील मिडटाऊन, इन्नरव्हील सोलन सिटी सामाजिक संस्थाएं मिलकर इसमे अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने और भी सामाजिक संस्थाओं व यहां के लोगों से अपील की कि इस कार्य में आगे आए व रेड क्रॉस की इस पहल को मजबूत करें। उन्होने कहा कि ये उस्तव आपको किसी व्यक्ति या संगठन को धन, सामग्री या कौशल में योगदान करने का मौका देता है। दान को उदारता का प्रतीक माना गया है। ये दान उत्सव मां शूलिनी के शहर होने वाला इस तरह का पहला उत्सव है, जो सब की सहभागिता के बिना पूरा नहीं हो सकता।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 152वीं जयंती के अवसर पर शमशेर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन में सुबह 6 बजे महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व० लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद एक प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसमें शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बच्चे, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं वरिष्ठ नागरिक भाग लेगें। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर सोनाक्षी सिंह तोमर ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि प्रभात फेरी शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्कूल से बड़ा चौक, गुन्नुघाट, मालरोड से होती हुई चौगान में आकर समाप्त होगी, जिसमें शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बच्चे व अध्यापक भाग लेगें। उपस्थित लोगों को राष्ट्र की एकता व अखंडता की शपथ दिलाई जाएगी और स्वच्छता ही सेवा पर आधारित जागरुकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया जाएगा।इस अवसर पर रेडक्रॅास सोसायटी के सौजन्य से डा० वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कालेज नाहन में कुष्ठ रोगियों को कम्बल व फल प्रदान कर उनका मनोबल बढ़ाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, आयूष विभाग की ओर से मरीज़ों को इम्यूनिटी ब्यूस्टर दिया जाएगा। बैठक में सहायक आयुक्त प्रियंका चन्द्रा, एसडीएम नाहन रजनेश कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
वीरवार को सनातन धर्म मन्दिर राजगढ़ में पूर्व सैनिक संगठन राजगढ़ इकाई की कार्यकारिणी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में इकाई के अध्यक्ष राजेश चौहान, कार्यकारणी सदस्यों, पूर्व सैनिकों, आश्रितों एवम् वीर नारीयों ने भाग लिया। सभा में पूर्व सैनिकों को मिलने वाली सुविधाएँ और उनकी समस्याओं एवं कार्यकारिणी हेतू योजनाओ पर चर्चा की गई। अध्यक्ष ने बताया राजगढ़ क्षेत्र में जल्द ही स्थायी कैंटीन, ईसी एच एस कार्यालय, सैनिक आराम घर हेतू भूमि आवंटन एवम सैनिक आराम घर हेतु कार्य रुप रेखा तैयार की जा रही है। ताकी भविष्य में इसका लाभ हमारे वर्तमान सैनिक, पूर्व सैनिक एवं आश्रितों द्वारा उठाया जा सके। साथ ही संगठन को अधिक सुदृढ़ एवं मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में जुडने एवं सहयोग की उम्मीद जताई गयी।
जिला मुख्यालय कुल्लू में 1 अक्तूबर से 19वीं ऑल इंडिया कोर्फ बाल फेडरेशन कप का आयोजन किया जाएगा। जिसका आगाज उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग करेंगे । बता दें कि इस फेडरेशन कप के आयोजन में 8 राज्यों की टीमें भाग ले रही है। जिसमें केरल, पांडीचेरी, तामिलनाडू, तेलंगाना, प.बंगाल, महाराष्ट्र, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की टीमें शामिल होंगी। एचपी कोर्फ बाल एसोसिएशन के महासचिव बीआर सुमन ने बताया कि पिछली बार राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता हरियाणा के पलवल में हुई थी और इसमें 26 टीमों ने भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में शीर्ष आठ स्थानों पर रहने वाली 8 टीमें इस बार कुल्लू में आयोजित इस फेडरेशन कप में भाग ले रही है। उन्होंने बताया कि इस फेडरेशन कप का समापन 3 अक्तूबर को होगा और इस मौके पर बतौर मुख्यातिथि के रूप में एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा भाग लेंगे। बीआर सुमन ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश के आठ राज्यों की टीमों के 250 खिलाड़ी भाग लेंगे । उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश से दो टीमें होस्ट के रूप में भाग लेंगी जिसके चलते टीमों की संख्या 9 होंगी।
हिमाचल में लगातार भारी बारिश के बाद काँगड़ा बायपास के निकट भूस्खलन की वजह से आवाजाही बंद कर दी गई है। भारी भूस्खलन होने से कई जगहों पर मलबा भी गिरा है साथ ही भारी बारिश के कारण पहाड़ी से पानी के झरने सीधे सड़क पर गिर रहे थे। भूस्खलन के दौरान कार सवार भी चपेट में आ गया। ज्वालामुखी निवासी व्यक्ति की कार पर पत्थर लगने से शीशा टूट गया। हालांकि गनीमत यह रही कि कार में सवार लोगों को गंभीर चोट नहीं आई। गाड़ी में तीन लोग सवार थे जो एक मरीज को लेकर सिटी अस्पताल कांगड़ा की तरफ जा रहे थे। गाड़ी के चालक सुरिंदर पाल ने बताया कि ज्वालामुखी से आते समय कांगड़ा बाईपास के नीचे मूसलाधार बारिश से सड़क पर पत्थर गिर रहे थे। भूस्खलन के कारण पीछे मलबा गिरने से सड़क बाधित हो गई थी। गाड़ी पीछे नहीं कर सकता था तथा आगे मलबा व पत्थर लगातार सड़क पर आ रहे थे। पहाड़ी से पानी के झरने सीधे सड़क पर गिर रहे थे। बहुत कोशिश करने के बाद भी गाड़ी के शीशे पर तेज गति से पत्थर आ गिरा, जिससे शीशा टूट गया है। लेकिन बमुश्किल जान बची है। प्रशासन ने सुबह भूस्खलन के बाद आवाजाही बंद कर दी है।
चुनावी सरगर्मी के चलते मंडी लोकसभा सीट से युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने भी टिकट के लिए दावेदारी पेश करने का फैसला ले लिया है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में भंडारी ने कहा कि 02 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त ने बैठक बुलाई है। जिसमे वे मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे। मंडी संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले किन्नौर जिला से नेगी निगम भंडारी संबंध रखते हैं। उधर, प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र, अर्की, फतेहपुर और जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए चुनाव समिति कांग्रेस हाईकमान के पास तीन-तीन नामों का पैनल भेजेगी।
ग्राम पंचायत गुम्मर के तहत पड़ते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में 20 साल से अपनी मेहनत लगन से सेवाएं दे रहीं ड्राइंग शिक्षिका रीता रानी गुरुवार को सेवानिवृत हुईं । गुम्मर पाठशाला के हर बच्चे को अपना बच्चा समझ के इन्होंने हर बच्चे के भविष्य को संवारा है। स्थानीय ग्राम पँचायत प्रधान शिमला देवी ने इस अवसर पर पाठशाला के कार्यक्रम में भाग लिया और रीता रानी का पाठशाला के प्रति अपना अहम योगदान देने के लिए तहे दिल से आभार प्रकट किया और बधाई एवं शुभकामनाएं दीं हैं। वहीं इनके उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य की कामना भी की है।
सोलन: बुधवार बीती शाम को अर्की में 2 बाइक सवार युवकों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। यह घटना अर्की मुख्यालय से नेर जगह के बीच में हुई। गनीमत रही की युवक शिकार होने से बाल-बाल बच गए। इनकी पहचान पंकज व हंसराज के रूप में हुई। उन्होंने कहा कि उन्हें कई बार रास्ते में तेंदुआ मिला है। लेकिन आज उसके हमले से वह सहम गए। उन्होंने वन विभाग व पंचायत प्रतिनिधियों से इस पर जल्द से जल्द संज्ञान लेने का आग्रह किया है, ताकि आने वाले समय में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। जैसे ही यह सूचना वन विभाग को मिली, उन्होंने कड़ा संज्ञान लेने की बात की। फारेस्ट गार्ड मांजू बीट गायित्री देवी का कहना है कि वे सुबह मौका स्थल पर दौरा करेंगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से आग्रह किया है कि रात को घर से बाहर न निकलें और सड़कों पर भी अकेले न जाएं।
बंजार में वीरवार काे ऋषि आध्यात्मिक योग साइंस ने राजकीय महाविद्यालय बंजार में एक दिवसीय योग कार्यशाला का आयोजन किया । जिसमें अध्यक्ष ऋषि आध्यात्मिक योग साइंस योगाचार्य भुवनेश, महासचिव जगदीश ठाकुर, कोषाध्यक्ष रजनीकांत, रामकृष्ण औऱ राजकीय महाविद्यालय बंजार के इग्नू के कोऑर्डिनेटर प्रोफ़ेसर जोगिंदर प्रोफ़ेसर अंजु बाला, प्रोफ़ेसर मोनिका के साथ महाविद्यालय के सेकड़ो बच्चों ने भाग लिया। इस कार्यशाला में योग के आसन प्राणायाम औऱ ध्यान का अभ्यास किया गया। इस मौके पर योग गुरु भुवनेश ने अनेक प्रकार के रोगों के बारे में उपस्थित छात्रों एवं अध्यापकों को विस्तार से जानकारी दी। उक्त संस्थान के महासचिव जगदीश ठाकुर ने कहा कि समय - समय पर उक्त संस्थान योग के माध्यम से लोगों तथा बच्चों को योग के बारे में होने वाले फायदों के बारे में बताया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर काफी लोगों एवं छात्रों को शांति प्राप्त हुई और योग ही स्वस्थ रहने का एक तरीका है।
बीती रात कोटखाई से लगभग 2 किलोमीटर दूर पान्दली रोड पर एक दर्दनाक सडक हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक लगभग 10 बजे विनय आयु 30 वर्ष, पुत्र स्वर्गीय रमेश चौहान, गांव पान्दली अपनी कार नंबर Hp14A0947 से कोकूनाला से अपने घर आ रहा था। पान्दली रोड़ में ज़ीरो पॉइंट से लगभग 50 मीटर आगे हादसे का शिकार हो गया, जिसमे विनय की मौत हो गई। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर फ़ैल गई है।
कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में 2 अक्तूबर को सुबह साढ़े 11 बजे प्रदेश चुनाव समिति की बैठक होगी। जिसके बाद हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र, अर्की, फतेहपुर और जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए चुनाव समिति कांग्रेस हाईकमान के पास तीन-तीन नामों का पैनल भेजेगी। बैठक के पश्चात चुनाव समिति तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कर प्रदेशाध्यक्ष को देगी। इसके बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर पार्टी हाईकमान तक इसे लेकर जाएंगे। चुनाव समिति की बैठक के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने शिमला आना था, लेकिन किन्हीं कारणों से उनका कार्यक्रम टल गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में सह प्रभारी संजय दत्त मौजूद रहेंगे। इनके अलावा कमेटी के आठ सदस्य भी बुलाए गए हैं। बता दें कि जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में पूर्व कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर ने चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया है। हालांकि, इस सीट पर कांग्रेस ने अभी किसी प्रत्याशी का नाम तय नहीं किया है।
अब शिक्षा विभाग में आठ हजार मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती दिवाली के बाद होगी। इस भर्ती में देरी की मुख्य वजह उपचुनाव माने जा रहे है , जिसके चलते ये नियुक्तियां एक माह आगे सरक गई हैं। हालांकि, इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी रहेगी। आदर्श चुनाव आचार संहिता के चलते शिक्षा विभाग पांच नवंबर तक नियुक्तियां नहीं दे सकेगा। चार हजार पद मुख्यमंत्री की अनुशंसा और शेष चार हजार पद आवेदन आधार पर भरे जाने हैं। शिक्षा सचिव ने भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के उच्च और शिक्षा निदेशालय को निर्देश बीते दिनों जारी कर दिए हैं। बीते दिनों हुई मंत्रिमंडल बैठक में पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्कर पॉलिसी 2020 के प्रावधानों के अनुसार उच्च और प्रारंभिक शिक्षा विभागों के तहत शैक्षणिक संस्थानों में बहुउद्देशीय कार्यकर्ताओं के 8000 पद भरने का निर्णय लिया गया है। वर्कर के घर से स्कूल की दूरी के आधार पर दस नंबर होंगे। इसमें डेढ़ किलोमीटर के दायरे वाले आवेदक को दस नंबर दिए जाएंगे। दो किलोमीटर दायरे पर आठ, तीन किलोमीटर पर छह, चार किलोमीटर पर चार और पांच किलोमीटर की दूरी पर दो नंबर मिलेंगे। पांचवीं कक्षा पास को पांच नंबर, आठवीं पास को आठ नंबर मिलेंगे। विधवा या पति से अलग रहने वाली महिला को तीन नंबर मिलेंगे। स्कूल को भूमि देने वाले परिवार के सदस्य को तीन नंबर दिए जाएंगे। एससी, एसटी, ओबीसी, बीपीएल कोटे के आवेदक को तीन नंबर मिलेंगे। बेरोजगार परिवार के सदस्य को भी तीन नंबर मिलेंगे। जिस गांव या पंचायत के स्कूल में भर्ती की जानी है, वहां के स्थानीय निवासी को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ लगते गांव में अगर कोई स्कूल नहीं है तो वहां का निवासी भी आवेदन कर सकेगा। भर्ती के लिए स्थानीय स्कूल से बीईओ को मांग भेजी जाएगी। बीईओ इस मांग को निदेशालय भेजेंगे। निदेशालय से मंजूरी के बाद भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा। इसे संबंधित स्कूल सहित पंचायत के नोटिस बोर्ड पर चस्पां किया जाएगा। एसडीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी चयन करेगी। खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के पास सादे कागज पर चार हजार पदों के लिए आवेदन करना होगा। शेष चार हजार पद मुख्यमंत्री की अनुशंसा पर भरे जाएंगे। मुख्यमंत्री की अनुशंसा वाले आवेदनों की सत्यता को भी एसडीएम की कमेटी जांचेगी। स्कूल को खोलना और बंद करना, परिसर और कक्षाओं में सफाई करना, पीने के पानी का इंतजाम करना और स्कूल की डाक को अन्य विभागों में पहुंचाना इनका काम होगा।
उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बुधवार को आदेश जारी करते हुए कहा कि आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते भुंतर वैली ब्रिज 30 सितंबर तथा 1 अक्टूबर को दोपहर 12:00 बजे से लेकर 2:00 बजे के बीच में यातायात के लिए बंद रहेगा। उपायुक्त कुल्लू ने कहा कि यह आदेश मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने दूरभाष के माध्यम से उन्हें जानकारी प्रदान की गई कि वैली ब्रिज पर लगातार वाहनों की आवाजाही बढ़ रही है जिसके चलते इस ब्रिज का मरम्मत कार्य जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर पुलिस अधीक्षक कुल्लू द्वारा अवगत करवाया गया की मरम्मत कार्य को नॉन पीक आवर्स के दौरान किया जाए ताकि आम जनता को अधिक परेशानी का सामना ना करना पड़े। उपायुक्त कुल्लू ने कहा कि आम जनमानस की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भुंतर वैली ब्रिज जरूरी मरम्मत कार्य के चलते 2 दिनों तक यातायात के लिए बाधित रहेगा।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव में मतदान सम्पन्न हुआ है। स्पिति के 38 मतदान केंद्रों पर मतदान करवाया गया। मतदान में कुल 5858 मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल किया। इनमें 2763 पुरूष मतदाता और 3095 महिला मतदाता शामिल है। स्पिति की 13 पंचायतों में जिला परिषद की तीन सीटों के लिए कुल 66.32 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके बाद 4 अक्टूबर को मतगणना होगी। रिटनिंग अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्पिति में शांतिपूर्वक तरीके से मतदान संपन्न हुआ है। सभी पोलिंग पार्टी काजा पहुंच चुकी है। मतदान पेटियां स्ट्रांग रूम में रख दी गई। इसके साथ ही स्ट्रांग रूम के बाहर सुरक्षा बल की तैनाती की गई। मतदान की दृष्टि से सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति की गई जिसमें टशी ज्ञामछो अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग को लोसर, हल और खुरिक पंचायत, मनीष कुमार आर्य अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग को गियू, ताबो और धंखर पंचायत, हरदेव सिंह नेगी वन मंडलाधिकारी को किब्बर और लांगचा पंचायत, चंद्रशेखर सहायक परियोजना अधिकारी कृषि को कुंगरी, सगनम, लालुंग, पंचायत आवंटित की गई है। 22 बूथों पर इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं है फिर भी एक सिस्टम तैयार किया था ताकि हर दो घंटे बाद मतदान की अपडेट दी जा रही थी।
उपमण्डल ज्वालामुखी के अंतर्गत पड़ती पँचायत सिहोरपाई की पूर्व प्रधान सोमा देवी पू ने भाजपा छोड़ आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। इस दौरान दीप चंद हरिओम, उपाध्यक्ष आम आदमी पार्टी और विकास धीमान, अध्यक्ष युवा विंग ज्वालामुखी भी वहां मौजूद रहे। पूर्व प्रधान सोमा देवी ने कहा कि वह आम आदमी पार्टी की नीतियों से प्रभावित हैं क्योंकि उनकी नीतियां आम आदमी को सीधा लाभ देती हैं और वह हमेशा आम आदमी के लिए काम करती हैं। वहीं हरिओम ने कहा कि लोग महंगाई से राहत चाहते हैं लेकिन सरकार आम आदमी को राहत देने को तैयार नहीं है। यूथ विंग के अध्यक्ष विकास धीमान ने बताया कि युवाओं को रोजगार के क्षेत्र में कोई उम्मीद नहीं मिल रही है। हमारी सरकार को व्यवसायियों के बारे में सोचना चाहिए क्योंकि वे रोजगार और कर राजस्व भी प्रदान करते हैं। लेकिन बदले में सरकार उनकी मदद करने में विफल है।
भारतीय सेना ने एक और पहल करते हुए 1965 व 1971 युध्द मे देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले सैनिको के आश्रितो को जन्म दिन पर उपहार दे कर सम्मानित किया गया। देश इन परिवारों के जख्म तो नही भर सकता लेकिन सेना ने उन के जन्म दिवस पर उपहार दे कर उन्हे सम्मानित कर थोडा सुकून जरूर दिया है। इल्मी देवी पत्नी स्वर्गीय सिपाही भाग सिंह, सेना मेडल (1965 युद्ध), सत्या देवी पत्नी स्वर्गीय नायक गुलाब सिंह (1971 युद्ध), जै देवी पत्नी स्वर्गीय ब्रह्म चन्द, (1965 युद्ध) को आज सेना ने इन के जन्म दिवस पर घर जा कर सम्मानित किया। खुंडिया के रिटायर्ड कर्नल एम एस राणा ने बताया कि सेना द्वारा इस पहल से इलाके की वीर नारियों की पहचान के साथ नौजवानों मे सेना मे भर्ती होने के लिए और प्रेरित किया है। इस नेक कदम के लिए पूर्व सैनिक संगठन खुडिया के सदस्यों व इलाका वासियों ने भारतीय सेना व स्टेशन हेडक्वार्टर पालमपुर का धन्यवाद किया है।
जिला सिरमौर के जल शक्ति उपमंडल पुरुवाला की 15 पंचायतों में 15 जल रक्षकों के पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसके लिए आवेदक ग्राम पंचायत वार आवेदन कर सकते हैं। यह जानकारी चेयरमेन/सहायक अभियन्ता जल शक्ति उपमंडल पुरुवाला ने दी। उन्होंने बताया कि यह पद ग्राम पंचायत अम्बोया, राजपुर, डांडा आंज, बनौर, शिवा सनोग, बढाना, भरली आगरों, गोरखूवाला, फूलपुर, डांडा, गोजर अडैण, भगाणी, सिंघपुरा गुरुवाला, खोदरी माजरी व मानपुर देवड़ा में भरे जाएंगे। उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदक 16 अक्तूबर, 2021 तक जल शक्ति उपमंण्डल पुरुवाला कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। इसके उपरांत आवेदक को 18 अक्तूबर से 22 अक्तूबर, 2021 तक दस्तावेजों के सत्यापन प्रक्रिया के लिए कार्यालय में उपस्थित होना होगा। उन्होंने बताया कि आवेदक कम से कम 8वीं पास होना चाहिए, आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए तथा संबंधित ग्राम पंचायत का स्थायी निवासी होना चाहिए जिसके लिए वह आवेदन कर रहा है। आवेदक को चरित्र प्रमाण पत्र, बीपीएल, हिमाचली, भूमिहीन, बेरोजगारी, अनुभव, अधिसूचित पिछडा क्षेत्र, विधवा/तलाकशुदा/इकलौती महिला आदि अन्य प्रमाण पत्र भी आवेदन के साथ संलग्न करने होंगे तथा आवेदक शारीरिक व मानसिक रूप से कार्य करने के लिए सक्षम होना चाहिए।
बीजेपी के प्रवक्ता बलदेव तोमर ने कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अल्का लांबा के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें उन्होंने कहा कि बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हिमाचल में नशा भेजते हैं। इसके साथ ही बीजेपी प्रवक्ता ने नशे पर अंकुश लगाने में हिमाचल सरकार के नाकाम रहने के आरोप को भी महज लफ्फाजी बताया है। तोमर ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अल्का लांबा ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर हिमाचल में ड्रग्स भेजने के संगीन आरोप लगाए हैं। भाजपा प्रवक्ता ने अल्का लांबा को चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह के संगीन आरोप के लिए वो तुरंत माफी मांगें। उन्होंने ने कहा कि उन्हें सबसे पहले कांग्रेस शासित राज्यों विशेष तौर पर पंजाब की ओर देखना चाहिए। पंजाब में नशे से युवा पीढ़ी किस हद तक तबाह हो चुकी है ये बात किसी से छिपी नहीं है। ये वही कांग्रेस शासित राज्य है जिसे लोग उड़ता पंजाब के नाम से संबोधित करते हैं। क्या अल्का लांबा ये कहना चाहती हैं कि पंजाब के मुख्यमंत्री की ओर से हिमाचल में नशा सप्लाई किया जाता है। तोमर ने अल्का लांबा को बिन पेंदी का लोटा करार दिया। उन्होंने कहा कि उनके पास बोलने के लिए हिमाचल से संबंधित कोई मुद्दा नहीं था, इसलिए वो प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इधर-उधर की बातें कर रहीं थी। अल्का लांबा केवल दिल्ली की गर्मी से राहत पाने के लिए हिमाचल आई हुई थीं और हिमाचल की वादियों से इतना मदहोश हो गईं कि बहकी-बहकी बातें करने लगीं। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें अपने बयान में पद, गरिमा और कानून तक की फिक्र नहीं रही। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार हिमाचल में नशे पर अंकुश लगाने के लिए बहु आयामी रणनीति अपनाकर राज्य को ‘ड्रग फ्री स्टेट’ बनाने लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश की सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पहल करते हुए हिमाचल के सभी पड़ोसी राज्यों को नशे के खिलाफ एकजुट किया था। इसके लिए साल 2019 में चंडीगढ़ में हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, राजस्थान के मुख्यमंत्रियों और जम्मू कश्मीर, केंद्र शासित क्षेत्र चंडीगढ़ व दिल्ली के उच्चाधिकारियों के साथ इस मसले पर गहन चर्चा की थी। भाजपा प्रवक्ता बलदेव तोमर ने कहा कि जयराम सरकार पहली सरकार है जिसने उत्तर भारत के चार राज्यों के साथ मिलकर संयुक्त रणनीति बनाई। नशे की इस गंभीर समस्या से निपनटने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का भी गठन किया। जयराम सरकार में पुलिस ना केवल नशा तस्करों को दबोच रही है, बल्कि नशा बेचकर संपत्ति अर्जित करने वालों की संपत्ति भी सीज की जा रही है। प्रदेश में पिछले एक वर्ष में 19 विभिन्न मामलों में 11.37 करोड़ रुपये की सम्पत्ति अटैच और फ्रीज़ की गई, जिसमें जिला कुल्लू में 15 मामलों में 3.79 करोड़ रुपये की सम्पत्ति व जिला कांगड़ा में दो मामलों में 7.29 करोड़ रुपये की सम्पत्ति अटैच तथा जिला बिलासपुर के एक मामले में 18.31 लाख रुपये व जिला शिमला के एक मामले में 10.67 लाख रुपये के बैंक डिपोटिज फ्रीज़ किए गए हैं। भाजपा प्रवक्ता तोमर ने कहा कि जयराम सरकार में नशा तस्करों के ज्यादा मामले पकड़े जा रहे हैं। इसका मतलब सीधा है कि राज्य सरकार नशा तस्करों के खिलाफ ज्यादा सख्त औऱ मुस्तैदी से कार्रवाई कर रही है। कांग्रेस शासित राज्य में भी यदि कार्रवाई ज्यादा होती तो हिमाचल में भी कम मामले सामने आते। हिमाचल की पुलिस तो उनके राज्यों के नशा तस्करों पर भी लगाम लगा रही है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि उपचुनाव में कांग्रेस की करारी हार सुनिश्चित देख कांग्रेस पूरी तरह से बौखला चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यश्र राठौर की कमजोरी को देखते हुए अब दिल्ली से उनके नेताओं को यहां बेबुनियाद बयानबाजी के लिए बुला रहे हैं।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ढलियारा में 1 अक्टूबर को अमरावती कंवर पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट देहरा गोपीपुर द्वारा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया जा रहा है। ये जानकरी ट्रस्ट के अध्यक्ष कंवर रोशन लाल ने दी । उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। इस अभियान मे ज्यादा से ज्यादा योगदान करें।
चंगर क्षेत्र तहसील खुंडिया की पंचायत पिहडी गलोटी, बड़ोग लाहड़ व जरुन्डी पंचायत के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो बर्षों से कोरोना काल में एक निजी बस सर्विस देहरा से बलाहरा लोगों को बेहतर सुविधा दे रही है और यह बस हमेशा लोगों की उम्मीदों पर खरी उतरती रही है जबकि हिमाचल प्रदेश परिवहन विभाग की बस भी देहरा से बलाहरा भी उसी रूट पर चलती है। दोंनो बसें एक ही समय पर चलती हैं। स्थानीय ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने बार बार विभाग से आग्रह किया कि सरकारी बस को देहरा से खुंडिया वाया मौर टिक्कर होकर चलाया जाए परन्तु विभाग ने उनकी मांग को अभी तक अनसुना ही किया है। लोगों का कहना है कि सरकारी बस खाली ही आती है और जाती है। पिहड़ी गलोटी के प्रधान विक्रम सिंह, उपप्रधान सुरजीत कुमार, अवतार सिंह, राज कुमार, सरला देवी, अंकुश कुमार, अनिता कुमारी, रणबीर सिंह, बलदेव सिंह, रमेश चंद आदि लोगों ने सरकार व विभाग से आग्रह किया है कि निगम की बस को खुंडिया से मौर, टिक्कर गलोटी, बलाहरा होकर चलाया जाए ताकि लोगों को अन्य रूट पर भी सुविधा मिल सके।
शिक्षा विभाग द्वारा खुंडिया के स्कूलों के खाते एचडीएफसी बैंक में खोलने के आदेशों का प्राथमिक अध्यापक संघ खुंडिया ने कड़ा विरोध किया है। संघ के अध्यक्ष भीम सिंह राणा का कहना है कि खुंडिया शिक्षा खण्ड खुलने से पहले सभी स्कूलों के एस एम सी खाते यूको बैंक में ही खोले गए थे। लेकिन खुंडिया में अब नया शिक्षा खण्ड बनने के बाद यह खाते एच डी एफ सी बैंक में खोले गए हैं जोकि न्यायोचित नहीं हैं। जबकि एच डी एफ सी बैंक की शाखा केवल देहरा में ही है जोकि खुंडिया से लगभग 40 किलोमीटर दूर है। प्राथमिक अध्यापक संघ खुंडिया ने शिक्षा विभाग से इन आदेशों को रद्द करने का आग्रह किया है कि एचडीएफसी बैंक की बजाए यूको बैंक किया जाए। ताकि चंगर क्षेत्र के समस्त स्कूलों को आसानी से अपने ही क्षेत्र में बैंक सुविधा मिल सके ।
महिलाओं ने सामाजिक हो या खेलकूद या फिर राजनीति क्षेत्र, हर क्षेत्र में अपनी धाक जमाई हुई है और महिलाएं देश और प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभा रही है। वही महिलाएं इसके साथ समाज सेवा के क्षेत्र में और सरकार के द्वारा चलाए जा रहे सफाई अभियान या अन्य प्रकार के जागरूकता अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। वहीं जिला कुल्लू के प्रसिद्ध भेखली माता मंदिर से सटे सारी गांव की महिलाओं ने अपने गांव को स्वच्छ रखने का बीड़ा उठाया है और वही महिलाएं गांव में लोगों को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक कर रही हैं। ग्रामीण महिलाओं ने जिला कुल्लू की अग्रणी संस्था कार सेवा दल से स्वच्छता अभियान के लिए उन्हें कुछ सामान देने की विनती की जिसे कार सेवा दल ने स्वीकार कर लिया और बुधवार को कार सेवा संस्था के आजीवन सदस्य प्रसून शर्मा ने महिलाओं को स्वच्छता अभियान के लिए बेलचा, झाड़ू और 5 किल्टे संस्था की ओर से प्रदान किए। वही इस अवसर पर अंजली, निर्मला, कौशल्या, रामलीला महिलाओं ने भी प्रसून शर्मा और कार सेवा संस्था का आभार जताया। वहीं ग्रामीण महिला अंजली ठाकुर ने कहा कि उन्होंने गांव में स्वच्छता अभियान चलाने के लिए कार सेवा दल से सम्मान देने की विनती और अब उन्हें संस्था के द्वारा सम्मान दिया गया है जिसके लिए उन्होंने संस्था का आभार जताया है। वहीं कार सेवा संस्था के आजीवन सदस्य प्रसून शर्मा ने कहां की बड़ी खुशी की बात है कि कार सेवा संस्था के द्वारा सारी गांव की महिलाओं को स्वच्छता अभियान चलाने के लिए जरूरी सामान कार सेवा दल की ओर से दिया गया। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे हैं और बड़ी खुशी की बात है कि सारी गांव की महिलाओं ने अपने गांव को स्वच्छ रखने का बीड़ा उठाया है। इस अवसर पर कार सेवा संस्था के सदस्य रामप्रसाद शर्मा अमित शर्मा और नरेंद्र शर्मा मौजूद रहे।
राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से 2 अक्तूबर से 14 नवंबर तक देश भर में विधिक जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण हमीरपुर के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सिद्धार्थ सरपाल ने बताया कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 2 अक्तूबर को दिल्ली के विज्ञान भवन से इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किए जाने वाले इस समारोह में राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक एवं सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश, सर्वोच्च न्यायालय के अन्य न्यायधीश और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे। सिद्धार्थ सरपाल ने बताया कि इस समारोह का सीधा प्रसारण यू-ट्यूब लिंक के माध्यम से भी किया जाएगा। यह प्रसारण यू-ट्यूब लिंक youtube.com/watch?v=UQR9IJZQVWY पर उपलब्ध रहेगा। सभी लोग इस लिंक के माध्यम से यह प्रसारण देख सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बुधवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में मंडी संसदीय क्षेत्र उपचुनाव के चलते किन्नौर जिला में 28 सितम्बर, 2021 से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों से आग्रह किया कि वे आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित बनाएं तथा शांतिपूर्ण व स्वतंत्र चुनाव करवाने में अपना सहयोग दें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिले में इस समय कुल 57,398 मतदाता है जिनमें 28,654 पुरूष व 28,744 महिलाएं मतदाता हैं। इसके अलावा 761 सेवारत मतदाता है। उन्होंने कहा कि जिले में कुल 129 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे जिनमें से 126 मतदान केंद्र सामान्य तथा 3 सहायक मतदान केंद्र चांगो, आसरंग व सापनी में स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले के 2 मतदान केद्रों का सारा कार्य महिला अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा ही देखा जाएगा जिनमें 55-रिकांग पिओ-1 तथा 56-रिकांग पिओ-2 शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जिले में 3 आदर्श मतदान केंद्र 51-कल्पा-1, 113-भावानगर व 26-जंगी में स्थापित किए जाएंगे। आबिद हुसैन सादिक ने कहा कि जिला के सबसे अधिक 1003 मतदाता सापनी मतदान केंद्र 76 पर अपना मताधिकार का प्रयोग करेंगे जबकि सबसे कम मतदाता पूह उपमण्डल के तहत आने वाले का मतदान केंद्र 6 पर केवल 14 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले में मतदान प्रक्रिया को पूरी करने के लिए 155 पीठासीन अधिकारी, 155 सहायक पीठासीन अधिकारी तथा 310 मतदान अधिकारी तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राजनैतिक दलों व उम्मीदिवारों को वाहन, ध्वनि प्रसार, ग्राउंड इत्यादि की अनुमति उपमण्डलाधिकारी कल्पा से लेनी होगी जबकि हैलीकाॅपटर से संबंधित अनुमति जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त से लेनी होगी। आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र 48 घंटे पूर्व उपलब्ध करवाने होंगे। उन्होंने कहा कि सभी राजनैतिक दलों व चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को बैनर, पोस्टर व पैम्पलेट के बाॅटम पर प्रिंटिंग प्रैस का नाम, फोन नम्बर व पोस्टर आदि छपने की संख्या प्रदर्शित करनी होगी तथा इसकी एक काॅपी सहायक निर्वाचन अधिकारी को देनी होगी। उन्होंने कहा कि जिले में लोकसभा उपचुनाव के दौरान होने वाली सभी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 2 वीडियो सर्विलैंस दल, एक वीडियो व्यूयिंग टीम, एक अकांउटिंग टीम, 3 फ्लांयिंग स्काॅवड व 3 स्टैटिक्स सर्विलैंस टीम का गठन किया गया है जिन्होंने आदर्श आचार संहिता आरंभ होते ही अपना कार्य आरंभ कर दिया है।
जाइका इंडिया द्वारा राज्यों में जापान सरकार की मदद से चलाई जा रही वानिकी और एन.आर.एम. परियोजनाओं की समीक्षा के लिए 27 से 29 सितम्बर, 2021 तक वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से 12वीं परियोजना निदेशक की बैठक आयोजित की गई। इस वीडियो कॉनफेरेन्स का संचालन जाइका इंडिया कार्यालय के मुख्य विकास विशेषज्ञ विनीत सरीन ने किया। इस वर्चुअल बैठक में देश के विभिन्न राज्यों में जापान सरकार की मदद से चलाई जा रही परियोजनाओं के बारे में जानकारी ली गई। मुख्य रूप से सतत् आजीविका और अंतर क्षेत्रीय अभिसरण पर सभी राज्यों में किए गए कार्यक्रमों पर राज्य के परियोजना निदेशकों द्वारा प्रस्तुति दी गई। प्रदेश के अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल एवं मुख्य परियोजना निदेशक (जाइका) नागेश कुमार गुलेरिया ने हिमाचल प्रदेश में आजीविका संवर्धन पर किए जा रहे कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। जाइका इंडिया ने प्रदेश में वानिकी परियोजना के अन्तर्गत किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि हिमाचल में क्षेत्रीय विशेष आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि स्थानीय निवासी लाभान्वित हो सकें। इसके अतिरिक्त जाइका परियोजना द्वारा वन विभाग के साथ मिलकर किए जा रहे अभिसरण से जल भड़ारण योजना के तहत टैंक, जल भड़ारण संरचना, चेक डैम इत्यादि का निर्माण, एचपीएसआरएलएम के मौजूदा विपणन ढांचे का उपयोग, परियोजना क्षेत्र में कृषि आधारित आजीविका गतिविधियों में अधिकतम लाभ अर्जित करने के लिए कृषि विज्ञान केन्द्रों व अनुसंधान संस्थानों से सहयोग एवं वनों से अत्याधिक दोहन तथा अन्य कई कारणों से जड़ी-बूटियों के अपघटन की रोकथाम की दिशा में हिमाचल प्रदेश वन पारिस्थितिकी तंत्र प्रबधन एवं आजीविका सुधार परियोजना के अतंर्गत पी.एम.यू. स्तर पर जड़ी-बूटी प्रकोष्ठ के गठन की भी सराहना की गई। नागेश गुलेरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के प्रगतिशील नेतृत्व और वन मंत्री राकेश पठानिया के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश में जाइका परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर लिया गया है ताकि प्रदेश के वनों के सुधार के साथ-साथ वनों पर आश्रित समुदायों को आमदनी का एक अतिरिक्त साधन उपलब्ध हो सके। मुख्य परियोजना निदेशक (जाइका) ने परियोजना की गतिविधियों को सफल बनाने के लिए स्थानीय लोगों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने आदेश जारी करते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उप-निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के संचालन के दौरान निर्वाचन अभियान के प्रसंग में पैम्फलेटों, पोस्टरों आदि के मुद्रण और प्रकाशन के संबंध में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की धारा 127-ए के उपबन्धों की अनुपालना सुनिश्चित की जानी अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अधिनियम की धारा 127-ए की उपधारा 1 तथा 2 के अनुसरण में प्रत्येक मुद्रक का यह वैधानिक दायित्व बनता है कि वे इस प्रकार के दस्तावेजों के मुद्रण के तीन दिनों के भीतर मुद्रित सामग्री की चार प्रतियों सहित अनुबन्ध ‘ए’ और ‘बी’ पर सूचना संबंधित जिला मैजिस्ट्रेट को प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
हिमाचल में उपचुनाव का बिगुल बज गया है। इसके साथ ही उपचुनाव शेड्यूल भी जारी हो चुका है। लोकसभा-विधानसभा की चार सीटों के लिए 30 अक्तूबर को मतदान होना है। उपचुनाव में मंडी संसदीय क्षेत्र के साथ स्वर्गीय राजा वीरभद्र के विधानसभा क्षेत्र अर्की का उप चुनाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीँ अर्की विस् क्षेत्र से दिवाकर देव शर्मा प्रबल दावेदार माने का रहे हैं। यही नहीं अर्की से युवाओं की पहले पसंद भी दीवाकर देव शर्मा बन रहे हैं। उपचुनाव तिथि घोषित होने के बाद अर्की विधानसभा उपचुनाव में टिकट को लेकर सरगर्मीयां तेज हो गई हैं। अर्की विधानसभा क्षेत्र से टिकट की मांग को लेकर नगर निगम शिमला के वार्ड नम्बर 7 के कांग्रेस पार्षद व अधिवक्ता दिवाकर देव शर्मा ने दावेदारी की है। वहीं अर्की विधानसभा क्षेत्र की जनता ने भी दिवाकरदेव शर्मा पर विश्चास जता रही है। दिवाकर देव शर्मा का कहना है कि यदि कांग्रेस पार्टी उन पर विश्वास जताती है, तो वह पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करँगे। बता दें कि दिवाकर देव शर्मा पिछले 20 सालों से कांग्रेस संगठन से जुड़े हैं। वर्तमान में हिमाचल प्रदेश उच्च न्ययालय में बतौर अधिवक्ता है, इसके साथ ही मज्याठ वार्ड के पार्षद हैं। पार्षद रहते हुए 4 सालों में वार्ड में बहुत से विकास कार्यों को अंजाम दिया है। दिवाकर देव शर्मा अर्की के स्थायी निवासी हैं, और बडोग पंचायत के धार ब्रह्मणा पंजपिपलू गावँ के रहने वाले हैं। इसके अतिरिक्त पहले युवा कांग्रेस से जुड़े रहे हैं। वहीं मौजूदा समय मे प्रदेश कांग्रेस लीगल कमेटी सेल और जिला सचिव पद पर सेवाएं दे रहे है। इन्होंने अर्की विस् क्षेत्र भी कई मुद्दों पर आवाज उठाई है।
शिमला : बीजेपी के प्रवक्ता बलदेव तोमर ने कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अल्का लांबा के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें उन्होंने कहा कि बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हिमाचल में नशा भेजते हैं। इसके साथ ही बीजेपी प्रवक्ता ने नशे पर अंकुश लगाने में हिमाचल सरकार के नाकाम रहने के आरोप को भी महज लफ्फाजी बताया है। तोमर ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अल्का लांबा ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर हिमाचल में ड्रग्स भेजने के संगीन आरोप लगाए हैं। तोमर ने अल्का लांबा को बिन पेंदी का लोटा करार दिया। उन्होंने कहा कि उनके पास बोलने के लिए हिमाचल से संबंधित कोई मुद्दा नहीं था, इसलिए वो प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इधर-उधर की बातें कर रहीं थी। अल्का लांबा केवल दिल्ली की गर्मी से राहत पाने के लिए हिमाचल आई हुई थीं और हिमाचल की वादियों से इतना मदहोश हो गईं कि बहकी-बहकी बातें करने लगीं। ऐसा उसलिए क्योंकि उन्हें अपने बयान में पद, गरिमा और कानून तक की फिक्र नहीं रही। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार हिमाचल में नशे पर अंकुश लगाने के लिए बहु आयामी रणनीति अपनाकर राज्य को ‘ड्रग फ्री स्टेट’ बनाने लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश की सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पहल करते हुए हिमाचल के सभी पड़ोसी राज्यों को नशे के खिलाफ एकजुट किया था। इसके लिए साल 2019 में चंडीगढ़ में हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, राजस्थान के मुख्यमंत्रियों और जम्मू कश्मीर, केंद्र शासित क्षेत्र चंडीगढ़ व दिल्ली के उच्चाधिकारियों के साथ इस मसले पर गहन चर्चा की थी। भाजपा प्रवक्ता बलदेव तोमर ने कहा कि जयराम सरकार पहली सरकार है जिसने उत्तर भारत के चार राज्यों के साथ मिलकर संयुक्त रणनीति बनाई। नशे की इस गंभीर समस्या से निपनटने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का भी गठन किया। जयराम सरकार में पुलिस ना केवल नशा तस्करों को दबोच रही है, बल्कि नशा बेचकर संपत्ति अर्जित करने वालों की संपत्ति भी सीज की जा रही है। प्रदेश में पिछले एक वर्ष में 19 विभिन्न मामलों में 11.37 करोड़ रुपये की सम्पत्ति अटैच और फ्रीज़ की गई, जिसमें जिला कुल्लू में 15 मामलों में 3.79 करोड़ रुपये की सम्पत्ति व जिला कांगड़ा में दो मामलों में 7.29 करोड़ रुपये की सम्पत्ति अटैच तथा जिला बिलासपुर के एक मामले में 18.31 लाख रुपये व जिला शिमला के एक मामले में 10.67 लाख रुपये के बैंक डिपोटिज फ्रीज़ किए गए हैं। भाजपा प्रवक्ता तोमर ने कहा कि जयराम सरकार में नशा तस्करों के ज्यादा मामले पकड़े जा रहे हैं। इसका मतलब सीधा है कि राज्य सरकार नशा तस्करों के खिलाफ ज्यादा सख्त औऱ मुस्तैदी से कार्रवाई कर रही है। कांग्रेस शासित राज्य में भी यदि कार्रवाई ज्यादा होती तो हिमाचल में भी कम मामले सामने आते। हिमाचल की पुलिस तो उनके राज्यों के नशा तस्करों पर भी लगाम लगा रही है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि उपचुनाव में कांग्रेस की करारी हार सुनिश्चित देख कांग्रेस पूरी तरह से बौखला चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यश्र राठौर की कमजोरी को देखते हुए अब उन्हें दिल्ली से उनके नेताओं को यहां बेबुनियाद बयानबाजी के लिए बुला रहे हैं।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने प्रदेश के लोगों से नशे के विरूद्ध अभियान में सक्रियता से भाग लेने और इसमें योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आज़ादी के अमृत महोत्सव में एक महत्वपूर्ण योगदान होगा। राज्यपाल मंगलवार देर सायं शिमला के पीटरहाॅॅफ में सम्मान और सलाम फाउंडेशन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर राज्यपाल ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने कोविड महामारी के इस कठिन दौर में भी समर्पण भाव व कत्र्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने वाले अधिकारियों को भी सम्मानित किया। राज्यपाल ने कहा कि यदि हमें नशे के स्रोत के बारे में पता है तो हमें इसके विरूद्ध आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी भावी पीढ़ी नशीलें पदार्थों का शिकार हो रही है। उन्हें इस बुराई से बचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के नाम से जाना जाता है और यहां के लोगों में आतिथ्य सत्कार और सम्मान की भावना सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि समाज में अच्छे उदाहरण प्रस्तुत करने की आवश्यकता है, जिसके लिए इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि आज वीर नारियों को सम्मानित करके हिमाचल के वीर सपूतों के सर्वोच्च बलिदान को सम्मान प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह वास्तव में हर्ष का विषय है कि गैर-सरकारी संगठन भी हिमाचल प्रदेश के वीरों के सर्वोच्च बलिदान को सम्मानित करने में गर्व महसूस करते हैं। उन्होंने वास्तविक नायकों को सम्मानित करने के लिए सम्मान और सलाम फाउंडेशन के पदाधिकारियों को उनकी निःस्वार्थ पहल के लिए बधाई दी। इससे पूर्व फाउंडेशन के हिमाचल चैप्टर के अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने राज्यपाल का स्वागत किया। फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक कुमार झा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। सम्मान और सलाम फाउडेशन के मुख्य संरक्षक एसके शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर माँ शिकारी देवी का आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ेंगे यह बात हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को सनारली में पत्रकारों से कही। बुधवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रदेश में उपचुनाव के लिए आचार संहिता लगते ही अपने घर तांदी के लिए शिमला से बाया करसोग होकर निकले तथा इस मौके पर वे सनारली में लोगों के साथ बातचीत करने के लिए उतरे व मीडिया कर्मियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आचार संहिता लगने के बाद वे अपने निजी दौरे पर अपने गांव की तरफ निकले हैं व अपने इस दौरे के दौरान वह सिराज क्षेत्र में बैठकों की अध्यक्षता भी करेंगे। वहीं इस दौरान उन्होंने माता शिकारी के भी दर्शन किए। करसोग में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि माता शिकारी देवी के दर्शन करने के बाद वह चुनावी प्रक्रिया में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि शिकारी देवी पर्यटकों के लिए एक अहम धार्मिक पर्यटन स्थल हैं। उम्मीदवारों की घोषणा के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्र तक उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी व चुनाव में सशक्त उम्मीदवारों को ही मैदान में उतारा जाएगा। संभावना है कि छह अक्टूबर तक प्रत्याशी घोषित हो जाएं। मुख्यमंत्री के दर्शन के दौरान माता शिकारी मंदिर में उपायुक्त मंडी पहले ही मंदिर कमेटी के साथ मिलकर तैयारी कर चुके थे। वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के इस दौरे के दौरान उनके साथ उनकी धर्मपत्नी डॉक्टर साधना ठाकुर भी मौजूद रही।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम अक्तूबर को सोलन के बजरोल, नडोह, शूलिनी नगर के क्षेत्रों, उपायुक्त आवास के समीप के क्षेत्रों तथा आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियन्ता आर. विदुर ने दी। मौसम खराब होने की स्थिति में विद्युत आपूर्ति अगले दिवस पर बाधित की जाएगी। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
सिनामोन जिलरूप से दालचीनी के नाम से जाना जाता है, एक सदाबहार झाड़ीदार पेड़ है। जिसकी छाल और पत्तियों में एक मीठी - मसालेदार सुगंध होती है। पेड़ का मुख्य भाग इसकी छाल होती है, जिसका प्रयोग मुख्यतः मसाले के रूप में किया जाता है। एशियाई और यूरोपीय व्यंजनों में इसके उपयोग के अलावा दवा और प्रतिरक्षा बढ़ाने में इसके महत्वपूर्ण उपयोग हैं। सिनामोमम कैशिया एक अन्य प्रजाति है, जिसकी छाल का उपयोग असली दालचीनी के स्थान पर किया जाता है। हालांकि, नागोमम कैसिया में उच्च कुमेरिन की मात्रा है जो सहारपुर के लिए अच्छा नहीं है और इसी वजह से इस प्रजाति को संयुक्त राज्य अमेरिका, आयरलैंड और यूरोपीय संघ में प्रतिबंधित कर दिया गया है। सिनामोरग मुख्य रूप से श्रीलंका में उगाया जाता है, जबकि छोटे उत्गदक देशों में रोशैला मेडागार और भारत शामिल हैं। भारत चीन, श्रीलंका, वियतनाम, इंडोनेशिया और नेपाल से प्रति वर्ष 45,318 टन (909 करोड़ रुपये मूल्य की दालचीनी का आयात करता है। आश्चर्यजनक रूप से भारत फुल 45,318 टन आपात में से 37,166 टन सिनामोगम कैशिया (हानिकारक कैसिया) का वियतनाम, चीन और इंडोनेशिया से आयात करता है। इसकी खेती के लिए संभावित क्षेत्रों की पहचान की गई तथा देश में उत्पादन क्षेत्र का विस्तार करने की योजना बनाई गई। सीएसआईआर - आईएचबीटी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के ऊना, बिलासपुर, कागड़ा, हमीरपुर और सिरमौर जिलों में इसकी खेती के लिए संभावित क्षेत्र है। यह ध्यान देने योग्य है कि देश में दालचीनी की कोई सुसंगठित खेती अथवा प्रसंस्करण नहीं है। आईसीएआर भारतीय मसाला अनुसंधान संस्थान, कालीकट केरल और कृषि विभाग, हिमाचल प्रदेश के सहयोग से कार्यान्वित किया जा रहा है। सीएसआईआर-आईटी इन दोनों संगठनों के मूल्यवान सहयोग से भारी निर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। वीरेंद्र कवर, मंत्री ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, कृषि, पशुपालन एवं मतस्य पालन, हिमाचल प्रदेश सरकार ने 29 सितंबर 2021 को गांव खोली, ऊना में प्रगतिशील किसान योगराज के खेतों में इसके पौधे लगाकर हिमाचल प्रदेश में दालचीनी की खेती पर पायलट परियोजना का शुभारंभ किया। पौधरोपण के समय डॉ. संजय कुमार, निदेशक, सीएसआईआर - आईएचबीटी क्षेत्र के प्रगतिशील किसान एवं सीएसआईआर आईएचबीटी के वैज्ञानिक और कृषि विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित थे। इसके अलावा सीएसआईआर आईएचबीटी के डॉ रमेश, डॉ सतबीर सिंह, डॉ अशोक कुमार और डॉ सुजात सिंह ने किसानों को दालचीनी की खेती के लिए प्रशिक्षित किया तथा दालचीनी प्रदर्शन क्षेत्र की स्थापना की।
डाक मण्डल सोलन द्वारा गत दिवस हिन्दी पखवाड़े के अन्तर्गत आयोजित की गई प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। यह जानकारी अधीक्षक डाकघर मण्डल सोलन के अधीक्षक रतन चन्द शर्मा ने दी। रतन चन्द शर्मा ने कहा कि डाक मण्डल सोलन द्वारा 13 से 27 सितम्बर तक यह प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के विजेता एवं उप विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि निबन्ध लेखन प्रतियोगिता में बालक राम को विजेता, इस्माइल खान को उपविजेता तथा मोहित गुप्ता को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में मोनिका वर्मा को विजेता, साहिब को उपविजेता तथा बालक राम को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। कविता पाठ प्रतियोगिता में नेहा शर्मा विजेता तथा रविन्द्र ठाकुर उपविजेता रहे। हिन्दी टंकरण प्रतियोगिता में नेहा शर्मा विजेता तथा मोनिका वर्मा उप विजेता रहीं। श्रुतलेख प्रतियोगिता में कृष्ण चन्द विजेता तथा महेश चन्द उप विजेता रहे। रतन चन्द शर्मा ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि कार्यालय के कार्य में अधिक से अधिक राजभाषा हिन्दी का प्रयोग करें।
सोलन के ठोडो मैदान में कोविड-19 परीक्षण के लिए स्थापित आरटीपीसीआर परीक्षण केन्द्र को रबौण स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। यह जानकारी आज यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने दी। डाॅ. उप्पल ने कहा कि 30 सितम्बर से आरटीपीसीआर परीक्षण आयुर्वेदिक अस्पताल रबौण में किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षण के लिए पंजीकरण सुबह 10.00 बजे आरम्भ होगा। पंजीकरण 12.30 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरपीसीआर परीक्षण 12.30 बजे के बाद आरम्भ होगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अनुरोध किया है कि आरटीपीसीआर परीक्षण के लिए समय पर अपना पंजीकरण करवाएं और आयुर्वेदिक अस्पताल रबौण में अपना परीक्षण करवाएं।


















































