औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भद्रोता में कैंपस साक्षात्कार का आयोजन किया जायेगा। इस विषय में जानकारी देते हुए प्रधानाचार्य सचिन शर्मा ने कहा की 1अक्टूबर को परवाणु, बद्दी की कंपनियां जिसमे एमटी ऑटोक्राफ्ट परवाणू 16 पद, हिम टेक्नो बद्दी 20 पद, ग्लोबल बद्दी 23 पद, यूटीएल इनवर्टर परमाणु 30 पद आदि शामिल हैं। जिसमें फिटर, मशीनिस्ट, एमएमबी, वेल्डर,प्लंबर व इलेक्ट्रिशियन तथा इलैक्ट्रॉनिक्स मकैनिक के 2021 में पास होने वाले अभ्यर्थी तथा 2017 के बाद सभी पास अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को वेतन प्रतिमाह 9500 रुपए सीटीसी तथा ईएसआई, पीएफ, कैंटीन फैसिलिटी तथा ओवरटाइम की सुविधा भी कंपनी द्वारा दी जाएगी। इसी के साथ कंपनियां सिक्योरिटी गार्ड की भर्ती हेतु भी कैंपस साक्षात्कार करेगी। जिसमें 10वीं व 12वीं पास अभ्यर्थी भी इसमें भाग ले सकते हैं। सेक्योरिटी गार्डस को कंपनी 12000 मासिक वेतन देगी। सनातक किए हुए युवा सुपरवाइजर के लिए आवेदन कर सकते हैं। साक्षात्कार में आने वाले सभी अभ्यार्थी अपने मूल दस्तावेजों सहित जिसमें दसवीं का प्रमाण पत्र, एनटीसी, आधार कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड, रोजगार कार्यालय पंजीकरण पत्र, व दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना ना भूलें।
स्कूल खुलने के बाद पहले ही दिन हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने चंबा जिले के 66 स्कूलों पर बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने दैनिक उपस्थिति का ब्योरा न देने पर इन स्कूलों पर कार्रवाई की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन स्कूलों को उपस्थिति की सूचना न भेजने के कारण बताने होंगे। अगर ये स्कूल संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए तो इनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। सोमवार को दसवीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थी स्कूल पहुंचे। विभाग ने पहले ही आदेश दिए थे कि स्कूल में दैनिक उपस्थिति का ब्योरा दोपहर तक कार्यालय में दिया जाए, लेकिन जिले के 66 स्कूलों ने यह डिटेल साझा नहीं की। विभाग ने इन स्कूलों को नोटिस जारी किया है। विभाग के पास पहुंची पहले दिन की 171 स्कूलों की रिपोर्ट में 42 प्रतिशत उपस्थिति रही।
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के खंमीगर ग्लेशियर में ट्रैकिंग पर गए दो लोगों की ताजा बर्फबारी के बाद ठंड से मौत हो गई है। 18 सदस्यीय दल में से दो लोग लौट आए हैं जबकि 14 अब भी ग्लेशियर में फंसे हुए हैं। भौगोलिक परिस्थितियों की वजह से हेलीकॉप्टर से मदद नहीं की जा सकती है। लिहाजा, इन्हें बचाने के लिए 32 सदस्यीय बचाव दल गठित कर रवाना किया गया है। इस दल को ग्लेशियर तक पहुंचने में तीन दिन का वक्त लगेगा। जानकारी के अनुसार बीते 15 सितंबर को इंडियन माउंटेनरिंग फाउंडेशन पश्चिम बंगाल का छह सदस्यीय दल बातल से काजा वाया खंमीगर ग्लेशियर ट्रैक (करीब 5034 मीटर ऊंचाई) को पार करने के लिए रवाना हुआ था। इस दल के साथ 11 पोटर (सामान उठाने वाले) और एक स्थानीय गाइड (शेरपा) साथ था। तीन दिन पहले ताजा बर्फबारी की वजह से यह दल ग्लेशियर में फंस गया। अत्याधिक ठंड की वजह से भास्कर देव मुखोपाध्याय (61) सनराइज अपार्टमेंट 87डी आनंदपुर बैरकपुर कोलकाता पश्चिम बंगाल और संदीप कुमार ठाकुराता (38) थ्री राइफल रेंज रोड प्लॉट नंबर जेडए, पूव्यान अवासन बेलगोरिया पश्चिम बंगाल ने दम तोड़ दिया। पश्चिम बंगाल के ही अतुल(42) और एक पोटर ने जैसे-तैसे काजा पहुंचकर सोमवार को इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी। लाहौल-स्पीति के उपायुक्त नीरज कुमार ने बताया कि रेस्क्यू दल में 16 आईटीबीपी और 6 डोगरा स्काउट के जवान शामिल हैं। इनमें एक चिकित्सक भी है। साथ ही 10 पोटर हैं। बचाव का काम पिन घाटी के काह गांव से शुरू होगा। पहले दिन 28 सितंबर को काह से चंकथांगो, दूसरे दिन चंकथांगो से धार थांगो और तीसरे दिन धारथांगो से खंमीगर ग्लेशियर टीम पहुंचेगी। खंमीगर ग्लेश्यिर से काह पहुंचने में भी तीन दिन लगेंगे।
पांवटा साहिब के नघेता में ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने जन समस्याएं सुनते हुए कहा कि भरली-बनोर सड़क को चौड़ा, पक्का तथा पुल निर्माण पर 4 करोड़ 85 लाख रुपये व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नघेता के अतिरिक्त भवन के निर्माण पर 1 करोड़ 18 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी। जिनका कार्य शीघ्र ही आरम्भ कर दिया जाएगा। इस दौरान आई सभी जन समस्याओं का उर्जा मंत्री ने मौके पर ही निपटान किया। उन्होंने कहा कि 1 करोड़ 10 लाख रुपये से देवका मोड़ से बोगरी तक की 6 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जा रहा है। जिसका कार्य अन्तिम चरण पर है। भरली राजकीय महाविद्यालय में 25 लाख रुपये की लागत से स्थापित हो रहे ट्राॅसफार्मर तथा नघेता मे 13 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 33 केवी सब स्टेशन का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि गिरी पार क्षेत्र की जनता के पीने के पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए दो बडी योजनाएं निर्मित की जा रही है, जिस पर 40 करोड रुपये की राशि व्यय की जाएगी। इस योजना के संचालित होने के उपरांत ग्रामीण क्षेत्रों मे भी शहरों की भान्ति पीने का पानी हर रोज उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि भरली में 9 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन तथा नघेता में 4 लाख 25 हजार से सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कमरा और सनोगा स्कूल में 67 लाख से अतिरिक्त कमरों का निर्माण किया जा रहा है, जिसका कार्य अंतिम चरण पर है। कार्यक्रम के दौरान बीडीसी अध्यक्ष हितेन्द्र कुमार, अध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा पांवटा साहिब चरणजीत सिंह, जिला भाजपा उपाध्यक्ष दिनेश नेगी, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष रमेश तोमर, पूर्व प्रधान नघेता सुरेश कुमार ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री, खण्ड विकास अधिकारी अनूप शर्मा, अधिशाषी अभियन्ता शिलाई वी के उप्रेती, अधिशाषी अभियन्ता जल शक्ति विभाग जगबीर वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिमाचल में उपचुनावों का बिगुल बज चुका है। चुनाव आयोग ने चुनावों की तारीख घोषित कर दी है। ये उपचुनाव 30 अक्तूबर को होंगे। इसी के चलते भाजपा की चुनावों के लेकर पीटरहॉफ शिमला में बैठक शुरू हो गयी है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप एवं सह प्रभारी संजय टंडन इस बैठक में उपस्थित है। वंही ,भाजपा महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि हिमाचल में उपचुनाव घोषित हो गए है, भाजपा इस घोषणा की काफी लंबे समय से इंतज़ार कर रही है। भाजपा इन चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है और भाजपा एक ऐसा राजनीत दल है जो पूरे समय काम करता है। भाजपा इन उपचुनावों में सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही हमारी चुनाव समिति की बैठक हो जाएगी और हमारे सभी प्रत्याशीयों का पैनल केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेजें जाएंगे, केंद्रीय संसदीय बोर्ड दिल्ली आए प्रत्याशीयों की घोषणा करेगा। उन्होंने कहा को भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगा, हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश में विकास एवं जनकल्याण के अनेकों कार्य किए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप के सशक्त नेतृत्व भाजपा मंडी लोक सभा, जुब्बल कोटखाई, फतेहपुर एवं अर्की का उपचुनाव जीतेगी।
हिमाचल प्रदेश में विभिन्न जिलों में हर साल करीब डेढ़ लाख टन धान की पैदावार होती है। इसमें हिमाचल प्रदेश की खपत से 54 हजार टन धान सरप्लस होता है। पिछले साल की खरीद ऑफलाइन ही थी, लेकिन इस बार पहली बार ऑनलाइन खरीद की जाएगी। किसानों को उनकी फसल की कीमत सीधे खाते में पहुंचाने के लिए पहली बार ऑनलाइन पोर्टल की मदद से धान की खरीद की जाएगी। कृषि विभाग ने ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया है, जिसमें किसान पंजीकरण कराएगा और अपनी जमीन का ब्योरा दर्ज करेगा। इसके बाद किसान नजदीकी बिक्री केंद्र पर जाकर अपनी फसल को उचित मूल्य पर बेच सकेगा। इस बिक्री के बाद सीधे उसके बैंक खाते में पैसे आएंगे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और फूड कोरऑप्रेशन ऑफ इंडिया कांगड़ा के फतेहपुर, सिरमौर के पांवटा साहिब, सोलन के नालागढ़ और ऊना में स्थित खरीद केंद्रों पर खरीद करेंगे। अक्तूबर के तीसरे हफ्ते से खरीद की प्रक्रिया शुरू होगी। केंद्रों को तैयार करने की प्रक्रिया जारी है और इस महीने के अंत तक इसे पूरा कर लिया जाएगा। विभाग की इस कवायद से बिचौलियों का खेल पूरी तरह से खत्म हो जाएगा। ऐसा इसलिए है क्योंकि पहले बिचौलिए फसल खरीदकर उसे आगे बेचते थे, लेकिन अब किसान ही अपनी फसल को बेच सकेगा।
प्रदेश की जयराम सरकार द्वारा गत दिनों कैबिनेट बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रक्कड़ 24x7 घंटे आपातकालीन सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए 10 नए पद सृजित कर नोटिफिकेशन जारी कर दी गई। इस सुविधा के लिए स्थानीय लोगों ने स्वयंसेवी एवं स्वदेशी जागरण मंच के पूर्व प्रान्त संयोजक देशबंधु, भाजपा मंडल जसवां-परागपुर के अध्यक्ष विनोद शर्मा, बीडीसी परागपुर की अध्यक्ष रेणु जामला, जिला परिषद सदस्य अश्विनी ठाकुर, पंचायत प्रधान जीवनलता, पंचायत कुहना के प्रधान रामपाल, पूर्व प्रधान रत्नसिंह राठौर, राजेश, मनोज सहित अन्य लोगों ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार व प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय युवा सेवाएं एवं खेल व सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर, स्वास्थ्य मंत्री राजीव सहजल, संगठन मंत्री पवन राणा का रक्कड़ सीएचसी में इमरजेंसी सुविधाओं हेतु आभार जताया है। गौरतलब है कि सीएचसी से संबंधित जनहित की मांगों के कारण देशबंधु जामला को जुलाई माह में सीएचसी रक्कड़ के प्रांगण में आमरण अनशन पर बैठना पड़ा था | वहीं सीएचसी रक्कड़ में आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने हेतु, प्रदेश सरकार ने कुल दस पदों की नोटीफिकेशन भी जारी कर दी है। जिसमें दो मेडिकल ऑफिसर, एक फार्मासिस्ट, एक वार्ड सिस्टर, तीन स्टाफ़ नर्स और चतुर्थ श्रेणी के तीन पद भरने की मंजूरी दे दी है।
हिमाचल प्रदेश आशा कार्यकर्ता संघ से संबंधित भारतीय मजदूर संघ के त्रिवार्षिक अधिवेशन केे बाद नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। आशा कार्यकर्ता संघ प्रदेश सचिव सुमन वाला की अध्यक्षता में आयोजित हुए इस कार्यक्रम मे भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा, प्रदेश उप महामंत्री देवी दत्त तनवर, जिला कांगड़ा के अध्यक्ष राजेंद्र भगालिया, प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश राणा, भारतीय मजदूर संघ के उद्योग प्रभारी मेलाराम चंदेल मौजूद रहे। हिमाचल प्रदेश की कार्यकारिणी का गठन हिमाचल प्रदेश के उपाध्यक्ष मंगतराम नेगी ने किया। कार्यकारिणी में अध्यक्ष अनिता कुमारी सोलन, कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश शर्मा चंबा, उपाध्यक्ष कल्पना रंधावा धर्मशाला, चंपा राम मंडी, पुष्पा मानटा शिमला, सुदेश कुमारी ऊना, सुमन इंदौरा व कमलेश चंबा, जबकि कांगडा (गरली ) की शशिलता महामंत्री कांगड़ा , सचिव पूजा हमीरपुर, किरण फतेहपुर, अनीता चंबा, दया ठाकुर नालागढ़, ओमलता शिमला, सुनीता मंडी, कोषाध्यक्ष मीना कांगड़ा, प्रेस सचिव सोमा ऊना, कार्यालय सचिव बिना धीमान बिलासपुर, क्षेत्रीय सचिव मधु हमीरपुर, सुनीता थूरल, बबीता चंबा, कार्यकारिणी सदस्य सरला राणा कांगड़ा, गुरचरणी नालागढ़, पवना बैजनाथ, चरणजीत नालागढ़, आरती गगां नालागढ़, बीना गोपालपुर, आरती चंबा, डिंपल चंबा, बीमपीं कांगड़ा व नीलम नूरपुर को चुना गया।
चुनाव आयोग ने हिमाचल समेत तमाम राज्यों में उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। ये चुनाव 30 अक्टूबर को होगा। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में 1 लोकसभा और 3 विधानसभा सीटों पर ये उपचुनाव होंगे। मंडी लोकसभा सीट के साथ-साथ फतेहपुर, अर्की और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीट के लिए ये चुनाव होंगे। विधानसभा उपचुनाव के लिए 8 अक्टूबर तक नामांकन भरे जा सकते हैं। 13 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। मतदान 30 अक्तूबर (सोमवार को होगा) और मतगणना 2 नवंबर को होगी।
उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़कों, पुलों तथा भवनों के निर्माण तथा रख-रखाव को प्राथमिकता देते हुए हर क्षेत्र के विकास के लिए कृतसंकल्पित है। बिक्रम ठाकुर सोमवार को जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के दोदू ब्राहमणा में 6.28 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले पीर सलूही-रक्कड वाया सीटपाक सड़क पर पुल सहित लगभग 6 किमी की सड़क का शिलान्यास करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से यहां के लगभग तीन हज़ार लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने विभाग को शीघ्र कार्य का शुभारंभ करने के निर्देश दिए। गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने केे लिये व्यय हो रहे 75 करोड़ : बिक्रम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश कि भौगोलिक परिस्थियों को देखते हुए मुख्यतः सड़कें ही आवागमन का मुख्य और सरल साधन है और प्रदेश सरकार हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष सड़कों, पुलों के निर्माण तथा आवश्यक रख-रखाव पर 4,502 करोड़ रुपये का बजट में प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़कों से छूटी बस्तियों और गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत 75 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र का चौतरफा विकास लक्ष्य : उद्योग मंत्री ने कहा कि जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र का चौतरफा विकास ही उनका एकमात्र लक्ष्य है और इस हेतू वह निरंतर प्रयासरत हैं। जिसके तहत जण्डौर में पॉलटेक्निक कॉलेज, संसारपुर टैरेस में मॉडल आईटीआई, कूहना में फार्मेसी कॉलेज, सदवां में भव्य नेचर पार्क, डाडासीबा व रक्कड़ में संयुक्त कार्यालय भवन, डाडासीबा अस्पताल का स्तरोन्नयन, डाडासीबा में विश्राम गृह, चनौर में औद्योगिक क्षेत्र जैसे अनेकों कार्य आज जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में संभव हो पाए हैं। उद्योग मंत्री ने कहा कि करोड़ो की लागत से हो रहे विकास कार्य दर्शाते हैं कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार किस प्रकार क्षेत्र के विकास के लिए गंभीर है। उन्होंने लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह करते हुए उनके बारे में विस्तार से जानकारी रखी। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार आम आदमी की सरकार और प्रदेश का हर व्यक्ति इस सरकार से जुड़ाव महसूस करता है। उन्होंने कहा इसी जुड़ाव के चलते प्रदेश में वंचित रह चुके लोग और क्षेत्रों के लिए सरकार खुले मन से कार्य कर रही है। जिसका उदाहरण जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में हो रहा विस्तृत विकास है। उद्योग मंत्री ने समस्याओं का किया निपटारा : इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने दोदू ब्राहमणा में लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया और शेष समस्याओं के समयबद्ध निवारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्ष पुरी, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग संदीप चौधरी, अधिशासी अभियंता विद्युत बोर्ड कुलदीप राणा, मण्डलाध्यक्ष विनोद कुमार सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
सुजानपुर के सीमांत खैरी क्षेत्र में विधायक राजेंद्र राणा ने एक बार फिर भ्रष्टाचार मामले में सरकार को रडार पर लेते हुए कहा कि 20 हजार करोड़ से ज्यादा के फर्जी डिग्री घोटाले पर सरकार बगलें झांक रही है। बीजेपी का बड़ा धड़ा इस मामले पर रहस्यमयी चुप्पी साधे हुए है। जबकि दूसरे धड़े के इशारे पर कुछ लोग इस मामले में उछल कूद मचाते हुए अमर्यादित भाषा में अनाप-शनाप बोल रहे हैं। मामले में जवाब देने की बजाय उल्टे सवाल कर रहे हैं। राणा सुजानपुर के खैरी क्षेत्र में जनसमस्या समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की वकालत करने वाली सरकार के राज में खैरी क्षेत्र में बनी नवनिर्मित कॉउ सेंक्चुरी में भारी घोटाला हुआ है। खैरी में हाल ही में बनी कॉउ सेंक्चुर निर्माण गुणवत्ता को लेकर खुद पीडब्ल्यूडी विभाग शक और संदेह के घेरे में है। क्योंकि खैरी कॉउ सेंक्चुरी की दीवारें उद्घाटन से पहले उधड़ कर भ्रष्टाचार का सबूत बनने लगी हैं। राणा ने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा बताए जाने पर इसकी शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को विजिलेंस की जांच के लिए की है। विजिलेंस की जांच के बाद खैरी कॉउ सेंक्चुरी के निर्माण में भी लाखों का घोटाला निकलेगा, यह तय है। लोगों को अपने साथ चलाने व पार्टी से जोडऩे के मामले में मास्टर हो चुके राणा ने इस समारोह में खैरी क्षेत्र के करीब 30 परिवारों ने भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस के साथ जोड़ा है। जबकि इसी कड़ी में अन्य एक कार्यक्रम जंगल में दो दर्जन परिवारों को कांग्रेस के साथ जोड़ा है। इस अवसर पर विधायक राणा ने खैरी में बाड़बंदी लगाने के लिए डेढ़ लाख रुपए व सराय भवन बनाने के लिए 2 लाख रुपए, लोअर दुदला में महिला मंडल की मरम्मत के लिए 2 लाख, जाखू महिला मंडल की मरम्मत के लिए डेढ़ लाख रुपए की घोषणा की। राणा ने आगे बोलते हुए कहा कि विकास के एजेंडे पर सरकार पूरी तरह से फेल और फ्लॉप हुई है। लगातार कर्जे में डूब रहे प्रदेश में अब कर्मचारियों व अधिकारियों को अपने हकों व हितों की चिंता सताने लगी है। सरकार में बढ़ रहा अराजक माहौल बता रहा है कि बीजेपी की सरकार जाने वाली है और कांग्रेस की सरकार आने वाली है। महंगाई व बेरोजगारी ने जनता को कुचल कर रख दिया है। 400 रुपए का सिलेंडर 1000 रुपए में, 60 रुपए का पेट्रोल 110 रुपए लीटर में, 70 रुपए में बिकने वाला सरसों का तेल 200 रुपए में बिक रहा है। उस पर देश के सरकारी उपक्रमों की बेखौफ सेल लगी हुई है। ऐसे मनमाने व अराजक माहौल में सरकार व सिस्टम से जनता का भरोसा उठना स्वाभाविक है। जनादेश के दम पर बीजेपी सरकार देश की जनता के साथ मनमानी कर रही है। इसी दौरान खैरी के प्रधान किशोरी लाल, उपप्रधान जगदीश चंद, वार्ड मेंबर भूमि देव, प्रधान जंगल पंचायत शकुंतला देवी, पूर्व प्रधान खैरी बलजीत सिंह, बीडीसी रवि कुमार, खनौली पंचायत के उपप्रधान मनजीत सिंह, प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के चेयरमैन व प्रवक्ता अभिषेक राणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन ज्योति प्रकाश, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष लेखराज ठाकुर, जिला महासचिव जोगिंदर ठाकुर, महासचिव डॉ. अशोक राणा, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन अटवाल, ब्लॉक महासचिव कमल कटोच, ब्लॉक उपाध्यक्ष व पूर्व प्रधान किशोर, महिला मंडल प्रधान पवना बड़वाल, मगा देवी, प्रवीण कुमारी व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
झूठ कि राजनीति कौन करता है, हरे हरे सब्जबाग कौन किसे दिखाता है, यह बात किसी से छिपी नहीं है। चुनाव मैदान में हार मिलने के बावजूद क्षेत्र के लोगों के साथ कौन कंधे से कंधा मिला कर खड़ा है, कौन लोगों की समस्याओं का निदान करवा रहा है और कौन विकास की गाथा सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में बहा रहा है। यह बात सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा को समझनी होगी। सुजानपुर मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर, भाजपा मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर, सह प्रभारी राजेश्वर कटोच ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में विधायक पर हमला बोलते हुए आरोप लगाए हैं। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के 2 बार के सफलतम मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में सच्चाई की राजनीति कर रहे हैं और सच्चाई के साथ विकास कार्य धरातल पर करवा रहे हैं जिसके एक नहीं अनेक उदाहरण हैं। आज ही सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के हरिजन बस्ती चलोखर टिक्कर पेयजल योजना के लिए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के प्रयासों से लगभग 4 करोड़ 80 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। आने वाले दिनों में इस पैसे से हरिजन बस्ती में बेहतर पेयजल सप्लाई के लिए योजना का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया जाएगा। बताते चलें कि संबंधित समस्या को लेकर ग्रामीण पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से मिले थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा था कि पेयजल की समस्या का शीघ्र निदान होगा। राज्य सरकार द्वारा जल शक्ति विभाग के अंतर्गत इस स्कीम के लिए लगभग ₹4 करोड 80 लाख जारी किए गए हैं जिसके लिए सुजानपुर की जनता पूर्व मुख्यमंत्री धूमल का तहे दिल से धन्यवाद करती है। विनोद ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि राजेंद्र राणा की अब सुजानपुर में दाल गलने वाली नहीं है क्योंकि झूठ की राजनीति करके उन्होंने जो मुकाम हासिल किया था अब उसका पर्दाफाश हो चुका है। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में एक नहीं दर्जनों उनके द्वारा करवाए गए झूठे शिलान्यास उनके विकास का पर्दाफाश कर रहे हैं। चुनावी बेला पर आनन-फानन में वोट बैंक की राजनीति करते हुए उन्होंने ऐसे कई कार्यों के शिलान्यास कर दिए जिसके लिए ना तो उन्होंने बजट का प्रावधान किया और ना ही उपयुक्त स्थान का। आज विधानसभा क्षेत्र की जनता विधायक से पूछती है कि पूर्व मुख्यमंत्री और विशेष रूप से भाजपा के ऊपर आरोप लगाने वाले विधायक किस मुंह से विकास की बात कर रहे हैं। जबकि सबसे ज्यादा झूठ उन्होंने ही इस क्षेत्र में बोला है। पूर्व मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से सुजानपुर में हाल ही में 5 करोड रुपए विकास खंड कार्यालय बनाने के लिए स्वीकृत हुए हैं। इसके लिए बजट और भूमि दोनों का प्रावधान है। इसके साथ साथ सुजानपुर बस स्टैंड पर बजट का प्रावधान कर के लोगों को पक्की दुकानें बनाकर अगर किसी ने दी है तो उसका श्रेय भाजपा सरकार के केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर को जाता है और अगर उन दुकानों के ऊपर झूठी राजनीति करने का श्रेय किसी को मिलता है तो उसके लिए विधायक राजेंद्र राणा की झूठी शिलान्यास पट्टिका आज भी वहां पर धूल फांक रही है। उन्होंने कहा कि सुजानपुर क्षेत्र की जनता झूठ की राजनीति से अब लद चुकी है और झूठे वादों और झूठी बातें में आने वाली नहीं है भाजपा पदाधिकारियों ने दावा करते हुए कहा कि विधायक महिला मंडलों को प्रलोभन के बहाने इकट्ठा कर रहे हैं लेकिन बिना प्रलोभन दिए अब कार्यक्रम करवाना उनके बस में नहीं है। यही सच्चाई है और यह सच्चाई अब उन्हें स्वीकार करनी पड़ेगी।
सोमवार को महिला एवं बाल विकास जिला सोलन द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह 2021 व मुख्यमंत्री सेवा संकल्प सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुरुषोत्तम गुलेरिया, उपाध्यक्ष खादी बोर्ड हिमाचल प्रदेश ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। आयोजन में पोषण प्रदर्शनी व On Spot Cooking प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें जिला की पांच टीमों ने भाग लिया व सभी ने पौष्टिक व्यन्जन बनाकर पेश किए। कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को पुरुस्कार भी वितरित किये गए,जिसमें On Spot Cooking प्रतियोगिता में सोलन के वृत रूरल को प्रथम, वृत कसौली को द्वितीय व वृत कुमारहट्टी को तृतीय पुरुस्कार दिया गया। इस अवसर पर पोषण रंगोली का भी आयोजन किया गया जिसमें वृत कुमारहट्टी की टीम सी द्वारा फल व सब्जियों से बनाई गई पोषण के पाँच सूत्र रंगोली को प्रथम पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वृत कुमारहट्टी द्वारा समूह गान व वृत भोजनगर द्वारा पोषण कवाली प्रस्तुत कर पोषण माह का संदेश आम जनता तक पहुँचाया गया। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी सोलन सुरेंदर टेगता, बाल विकास परियोजना अधिकारी सोलन कविता गौतम, कंडाघाट पवन कुमार, सशक्त महिला समूह व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं साहिकाएँ मौजूद रही।
बिजली की वोल्टेज अचानक बढ़ जाने से ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के गांव स्यार में कई लोगों के घरों में लगे अनेक विद्युत उपकरण जल गए।स्यार गांव में लोगों के घरों में बल्व, ट्यूब लाईट गिज़र, ब्लोअर, टीवी, फ्रिज व अन्य विद्युत् उपकरण भी जल गए। इससे स्थानीय लोगों में विद्युत विभाग के प्रति भारी रोष है। गांव स्यार के निवासी नीरज कपिला, पंकज कपिला, अभिनव, दीप राम, सरताज सिंह राठौर, रोशन, बॉबी, प्रदीप सहित अन्य लोगों ने बताया कि उनके घरों में लगी एलसीडी सहित अन्य विद्युत उपकरण अचानक वोल्टेज बढ़ने से जल गए। क्षेत्र में कई अन्य लोगों ने भी विद्युत उपकरण जलने की शिकायत की है। वही लोगों ने इसकी शिकायत 1100 पर की है। लोगों का कहना है कि हर माह मरम्मत व रख रखाव के नाम पर विभाग पूरा दिन विद्युत आपूर्ति बंद रखता है, फिर भी इस तरह के हादसे होना चिंता का विषय है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि विभाग उनके घरों में हुए नुकसान की भरपाई करें अन्यथा उपभोक्ता अदालत में इस मामले को उठाएंगे। इस संबंध में विभाग के एसडीओ तृप्त राज ने बताया कि तकनीकी खामी के चलते यह समस्या पेश आई है जिसे ठीक कर दिया है।
डॉ.वाई एस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में 2021-22 शैक्षणिक सत्र के लिए बागवानी, वानिकी, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि व्यवसाय और व्यापार प्रबंधन कार्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितम्बर तक बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट कार्यक्रमों के लिए आवेदन करने के इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय के एडमिशन पोर्टल पर अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। प्रत्येक कार्यक्रम के लिए विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती है। इस वर्ष, विश्वविद्यालय भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की ICAR AIEEA (UG) 2021 के स्कोर पर बीएससी (ऑनर्स) बागवानी, बीएससी (ऑनर्स) वानिकी और बीटेक जैव प्रौद्योगिकी की सामान्य सीटों में एडमिशन देगा। एमएससी, एमबीए (कृषि व्यवसाय) और पीएचडी की सामान्य और स्व-वित्तपोषित सीटें पर प्रवेश क्रमशः ICAR AIEEA (PG) और AICE-JRF/SRF में प्राप्त अंकों के आधार पर होगा। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रशांत सरकेक ने बताया कि जिन छात्रों ने इस महीने की शुरुआत में आयोजित स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में दाखिलों के लिए आईसीएआर परीक्षा दी है और विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने के इच्छुक हैं, ऐसे छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन भरना होगा। उन्होंने बताया कि वह उम्मीदवार जो आईसीएआर परीक्षा नहीं दे पाए हैं वह भी स्नातक कार्यक्रमों की स्व-वित्तपोषित सीटों के लिए आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर बीएससी और बी टेक जैव प्रौद्योगिकी कार्यक्रमों की स्व-वित्तपोषित सीटों पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। कुलसचिव ने कहा कि विश्वविद्यालय में ऑनलाइन आवेदन पत्र और ऑनलाइन भुगतान रसीद जमा करने में विफल रहने वाले उम्मीदवार विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए पात्र नहीं होंगे। आईसीएआर परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विश्वविद्यालय द्वारा वेबसाइट पर ऑनलाइन काउंसलिंग के कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। ऑनलाइन मोड के अलावा अन्य किसी भी प्रकार का आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान ने सरकार के कुछ संगठनों को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि कई संगठनों का काम सिर्फ सरकार की चमचागिरी वह पब्लिसिटी करना मात्र रह गया है। वीरेंद्र चौहान ने कहा कि शिक्षकों को गुमराह करने के लिए दूसरे क्रियाशील संगठनों के द्वारा समय-समय पर सरकार को दिए गए अल्टीमेटम व प्रयास के द्वारा करवाए गए निर्णय का श्रेय लेने के लिए सबसे आगे खड़े हो जाते हैं। वीरेंद्र चौहान द्वारा जारी किए गए प्रेस ब्यान में सरकार से शिक्षकों से सभी ज्वलंत मुद्दों को भी जल्द पूरा करने की मांग की है। चौहान ने कहा कि वास्तव में शिक्षकों के सभी मुद्दों का हल तब तक नहीं हो सकता जब तक शिक्षकों के लिए अलग से जेसीसी का प्रावधान न हो। उन्होंने कहा कि संघ लगातार 9 सालों से शिक्षकों के लिए अलग से जेसीसी की बैठक करवाने की मांग कर रहा है। सरकार को शिक्षकों को भी जेसीसी के वर्तमान प्रारूप में प्रतिनिधित्व देना चाहिए, जिससे शिक्षक और शिक्षार्थी हित की बात भी की जा सके। उन्होंने कहा कि हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ शिक्षक और शिक्षार्थी हित में अपनी बात रखने के लिए किसी भी हद तक जाने के लिए हमेशा तत्पर रहता है। संघ शिक्षकों के ज्यादा से ज्यादा मुद्दों को हल करवाने के लिए सदैव प्रयासरत रहेगा। उन्होंने बताया कि जब तक सरकार शिक्षकों के लिए जेसीसी जैसा फ्रंट तैयार नहीं करती तब तक हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ चैन की सांस नहीं लेगा और सरकार का लगातार घेराव करता रहेगा l इस दिशा में जल्द ही संघ सरकार को अल्टीमेटम देने वाला है जिसमें सचिवालय के घेराव की बात कही जाएगी l
शिमला के ढली दोहरी में अज्ञात व्यक्ति गाय का नवजात बच्चा छोड़ कर फरार हो गया। दरसल सुबह 6 बजे वन विभाग की चेक पोस्ट ड्यूटी पर आये वन रक्षक नेहर सिंह ने बच्चे को देखा। उन्होंने इस बात की सूचना समाजिक कार्यकर्त्ता उमंग फाउंडेशन के ट्रस्टी विनोद योगाचार्य को दी । उनके प्रयासों से भैंस के बच्चे को दूध की व्यवस्था की गई। विनोद योगाचार्य ने इस बारे में पुलिस थाना ढली को सूचित किया और पुलिस अधीक्षक को भी पत्र भेजा है। साथ ही उन्होंने पुलिस से पशु क्रूरता अधिनियम 1960 के अतर्गत मामला दर्ज करने का आग्रह किया है। जानकारी के मुताबिक मशोबरा के सामाजिक कार्यकर्त्ता अरुण शर्मा ने इस नवजात बच्चे की जिम्मेवारी ली है। गौरतलब है कि अरुण शर्मा अनेक बेसहारा गायों के रहने के लिए गौशाला व अन्य खाने-पीने कि व्यवस्था करते है।
कुल्लू: सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा अनुमोदित मन्नत कला मंच के कलाकरो द्वारा समाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से चलाए जा रहे अनुसूचित जाती एवं जनजाति वर्ग के लिए विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत सरकार की योजनाओं का नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रचार किया गया। सोमवार को नग्गर विकास खंड के चतानी पंचायत के देहनी धार गांव व बंदल पंचायत के हलेनी में प्रस्तुत कार्यक्रमों में मन्नत कला मंच के कलाकारों नवनीत भारद्वाज, मान चंद, ख़ूबराम, संजय, इंदु बाला, चंपा कुमारी, अंजना ,गोपाल, हीरा ने समूह गीत 'एकता हमारा धर्म है' और कुल्लवी नाटियों के माध्यम से लोगों का खूब मनोरंजन किया तथा नाटक के माध्यम से विशेषकर अनुसूचित जाति व अन्य पिछड़ा वर्ग हेतु सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में चतानी पंचायत के प्रधान शेर सिंह, वार्ड पंच दूनी चंद, कलावीर महिला मंडल की प्रधान खिमी ठाकुर, देहनी धार की प्रधान शांति देवी, विरकला महिला मंडल ठगारा शौरन की प्रधान जयवंती, बंदल पंचायत के प्रधान गोपाल सिंह, सहित बड़ी संख्या में गांव वासी शामिल हुए।
केलांग: लाहौल में पंचायत चुनावों के लिए सोमवार को विभिन्न मतदान केन्द्रों के लिए पोलिंग पार्टियां, हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों के माध्यम से रवाना कर दी गई हैं। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त लाहौल-स्पीती नीरज कुमार ने दी। उन्होंने कहा की आगामी 29 सितम्बर व एक अक्टूबर को लाहौल में पंचायती राज के तीनो स्तरों तथा स्पीती के जिला परिषद् के लिए चुनाव होने है। विभिन्न मतदान केन्द्रों पर मतदान को सुचारू रूप से सम्पन्नं करने के लिए 80 पोलिंग पार्टियों को आज यहाँ से अपने-अपने गंतव्य स्थानों के लिए रवाना कर दिया गया है।
राष्ट्रीय महिला आयोग तथा हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को बाल विकास परियोजना विभाग कुल्लू द्वारा देव सदन में घरेलू हिंसा अधिनियम, 2005 के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें जिला के सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों तथा पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की सदस्य मंजरी नेगी ने की। उन्होंने द्वीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंजरी नेगी ने कहा कि घरेलू हिंसा अधिनियम, 2005 महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाया गया है, ताकि कोई भी पीड़ित महिला न्याय से वंचित न रहे। अधिनियम के तहत महिलाएं उनके साथ होने वाली किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा के लिए इस अधिनियम के तहत विभिन्न कानूनी पहलुओं के तहत न्याय हासिल करने के लिए अपनी आवाज बुलंद कर सकती हैं। महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनकर ही समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि अधिकार और कर्तव्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैं तथा अधिकारों के प्रति जागरूकता के साथ हमें अपने कर्तव्यों का भी भलीभांति निर्वहन करना है ताकि एक स्वच्छ व जागरूक समाज का निर्माण किया जा सके। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी राज कुमारी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा विभाग द्वारा महिलाओं तथा बच्चों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। स्त्रोत व्यक्ति के रूप में अतिरिक्त जिला न्यायवादी अनुज वर्मा, अधिवक्ता संजय ठाकुर तथा राकेश बोध ने भी घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 के तहत विभिन्न कानूनी पहलुओं की उपस्थित बाल विकास परियोजना अधिकारियों तथा पर्यवेक्षकों को विस्तार से जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के अंत में बाल विकास परियोजना विभाग के जिला समन्वयक नीरज शर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद किया।
सोमवार को सोलन जिला में सयुंक्त किसान मोर्चा ने भारत बंद के आवाहन पर PWD रेस्ट हाउस सोलन से DC ऑफिस तक किसान रैली को निकालकर भारत बंद के समर्थन में प्रदर्शन किया। संयुक्त किसान मोर्चा में 4 विभिन्न किसान संगठनों से जुड़े किसान व सदस्यों ने हिस्सा लिया। सोलन के किसानों ने केंद्र सरकार व कृषि बागवानी मंत्री की खिलाफ नारे लगाए व तीनो कृषि कानून को तुरन्त रदद् करने के लिए कहा। संयुक्त किसान मोर्चा सोलन के सहसंयोजक नीतीश ठाकुर ने कहा कि किसानों की उन्नति बिना फसलों के MSP पर बने क़ानून के बिना मुमकिन नही है, हिमाचल प्रदेश सरकार ने झूठे वादे ही किए और जुमलेबाजी ही किसानों को मिली है। साथ ही नीतीश ने कहा कि जहाँ सेब बागवान सभी पार्टियों के साथ होते हुए भी किसान व सेब की बागवानी को ख़तरे में देख एकजुटता से जबरदस्त आंदोलन कर सेब के उचित व लाभकारी मूल्य के लिए सड़कों पर लामबंध हुए हैं, वे हम टमाटर सब्जियों के उत्पादकों के लिए प्रेरणास्रोत है। ग्रामीण संघर्ष समिति के सचिव मनोज वर्मा ने कहा ही मौजूदा सरकार ने किसानों को छलने का काम ही किया है। टमाटर व सब्जियों के उचित दाम सोलन के किसान बागवानों को भी मिल सकते हैं, किंतु मौजूदा सरकार सालों साल से किसानों को टमाटर सब्जी प्रोसेसिंग यूनिट पर सिर्फ गुमराह कर वोट बटोर कर सत्ता पर काबिज हो जाती हैं और किसानों को टमाटर सब्जियों से लाभकारी दाम से हमेशा ही महरूम रहना पड़ता है। वही मनीष ठाकुर सँयुक्त किसान मोर्चा सोलन संयोजक ने केंद्र सरकार को आड़े हाथो लिया और तीनो कृषि कानून को वापिस करने के लिए कहा, यदि सरकार तीनो कानून को वापस नही करती तो कोई न कोई नई सरकार ये काम करेगी और किसान भी उन्हीं सरकार को अपना समर्थक देगी जो किसानों की मांगों को अपने मेनिफेस्टो में अंकित करेगा जिसमे तीनो कानून को रद्द करना, फसलों पर MSP कानून बनाना, दूध के लिए चिल्लिंग प्लांट व एक डिपू स्टोर का निर्माण जहाँ किसानों को सस्ती दर पर तूड़ी, फीड व दवाइयां उपलब्ध करवाई जाए। जयराम सरकार व उनके मंत्री किसानों पर उलटी सीधी बयानबाजी दिन प्रतिदिन देते है। इससे अच्छा होता वे किसानों की फल सब्जियों की फसलों का लाभकारी दाम दिलाने के लिए MSP लागू करते और किसान के पक्ष में नीति बनाते। संयुक्त किसान मोर्चा सोलन की रैली में कंडाघाट, सोलन व धर्मपुर ब्लॉक से सैकड़ो किसानों ने भाग लिया । सड़को पर संघर्ष किए बिना अपनी मांगों को जब तक किसान नही लड़ेगा तब तक वह समृद्ध नही बन सकता। साथ ही संयुक्त किसान मोर्चा सोलन में आने वाले दिनों में गाँव मे छोटी छोटी मीटिंग आयोजित कर किसानों को शिक्षित करेगा। इसके बाद महापंचायत द्वारा सरकारों की किसान विरोधी नीतियों का विरोध करेगा। इस प्रदर्शन में मनीष ठाकुर, मनोज वर्मा, देवेंद्र, विकास ठाकूर, नीतीश ठाकुर, अनोखी राम वर्मा, मोहित, प्यारे लाल वर्मा, अशोक वर्मा, जोगिंदर, अमन, अनिल, सुरेश, तारा दत्त आशीष, कली राम हरबन्स, मदन, नरेन्द्र आदि सेकड़ो किसान शामिल रहे।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में प्रधानाचार्य सरताज सिंह की अध्यक्षता में विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर वोकेशनल ट्रेनर आरती के मार्गदर्शन में जमा दो कक्षा की छात्रा हिमानी ने विश्व पर्यटन दिवस पर विस्तार से जानकारी दी तथा अपने वक्तव्य में कहा कि कोविड काल में पर्यटन के क्षेत्र में भारी कमी आई। जबकि पर्यटन का क्षेत्र विश्व में सबसे तेजी से आय अर्जित करने वाला क्षेत्र है। इस अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता भी करवाई गई। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने भी विश्व पर्यटन दिवस पर सभी को हार्दिक बधाई व शुभकामनाए दी तथा कहा की भारत में पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं है। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य प्रकाश बट्टू,राकेश शर्मा, विनोद कुमार, सुमन देवी, नीलम शर्मा, रेणुका, नरेंद्र लाल, आरती, अनीता, किरण, लता देवी, उर्मिला ठाकुर, वीना कुमारी, मंजू, जागृति कपिल, सुषमा, प्रवीण, मुकेश, पूनम, विजय, विमला, चमन, जितेंद्र चंदेल, रजनीश शर्मा आदि उपस्थित थे।
कांग्रेस प्रवक्ता किरण धांटा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर प्रदेश के युवाओं के हित का हनन करने वाली सरकार पर करार दिया है। प्रवक्ता ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में युवाओं का सरकारी नौकरियों की तरफ रुझान है और वे रात -दिन कड़ी मेहनत से इस की तैयारियों में जुटे रहते है। परन्तु जब नौकरी मिलने की बात आती है तो प्रदेश सरकार अपने बाहरी राज्यों के सगे सम्बन्धियों को नियुक्त कर देती है, जो की सरे आम प्रदेश के युवाओं के साथ ना-इंसाफ़ी है। परन्तु प्रदेश कांग्रेस पार्टी युवाओं के साथ भाजपा के इस व्यवहार का बहिष्कार करती है। प्रवक्ता ने कहा की 28 सितंबर को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के दिशा-निर्देश में कांगेस पार्टी सभी जिला मुख्यालयों में भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश के युवाओं के साथ किये जा रहे भेदभाव के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेगी। प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा युवाओं में हीन भावना पैदा कर रही है और उनके मनोबल को दिन प्रति दिन गिरा रही है। आज प्रदेश में बेरोज़गारी के कारण युवा जो समाज के प्रति तथा अपने जीवन के प्रति गलत कदम उठा रहा है, भाजपा की इस तरह की कार्य निति का ही परिणाम है। प्रवक्ता ने कहा की कांग्रेस भाजपा को इस तरह से युवाओं के हितों का हनन नहीं करने देगी और युवाओं का हर प्रकार से सहयोग करेगी।
मैसर्ज पाॅयनियर एम्ब्रोयाड्रिज लिमिटिड तथा जेगहम मेडिकल सर्विसिज प्राईवेट लिमिटिड में विभिन्न श्रेणियों के पदों को भरने के लिए कैम्पस साक्षात्कार 29 सितम्बर को आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी सोलन संदीप ठाकुर ने आज यहां दी। उन्होंने कहा कि कैम्पस साक्षात्कार जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय सोलन में प्रातः 10.00 बजे से आयोजित किया जाएगा। मैसर्ज पाॅयनियर एम्ब्रोयाड्रिज लिमिटिड में विभिन्न प्रकार के ऑपरेटर्स के 300 पद भरे जाएंगे। इसके लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता 8वीं एवं इससे अधिक निर्धारित की गई है। इन पदों के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। संदीप ठाकुर ने कहा कि जेगहम मेडिकल सर्विसिज प्राईवेट लिमिटिड में फील्ड एडवाईजर एवं फील्ड सुपरवाईजर के 35 पद भरे जानें हैं। इन पदों के लिए आयु सीमा 21 वर्ष से अधिक तथा शैक्षणिक योग्यता 10वीं एवं इससे अधिक निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी 29 सितम्बर को सभी अनिवार्य दस्तावेजों सहित जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय सोलन में कैम्पस साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी ने कहा कि इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नम्बर 01792-227242, मोबाइल नम्बर 70189-18595, 98170-69798, 98826-74079 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि कुपोषण मुक्त भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए सभी तक उचित पोषण पहुंचाना आवश्यक है। इस दिशा में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका अहम है। पुरूषोत्तम गुलेरिया आज कुम्हारहट्टी में जिला स्तरीय मुख्यमंत्री सेवा संकल्प सप्ताह और राष्ट्रीय पोषण माह 2021 के अन्तर्गत आयोजित जागरूकता शिविर की अध्यक्षता कर रहे थे। पुरूषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि सभी को पोषण की मूल अवधारणा से अवगत करवाने तथा लक्षित वर्गों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से सितम्बर माह को पोषण माह के रूप में आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मूल उद्देश्य किशोर-किशोरी, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को निर्धारित पोषण के विषय में जागरूक बनाना तथा उन्हें उचित पोषण उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि कुपोषण से लक्षित वर्गों को बचाने के लिए हर वर्ष की भान्ति इस वर्ष भी महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों की सफलता के लिए जहां जन-जन का सहयोग आवश्यक है वहीं जन प्र्रतिनिधियों, स्कूल प्रबंधन समितियों, सरकारी विभागों, सामाजिक सगंठनों तथा समस्त सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र की समावेशी भागीदारी भी अपेक्षित है। पुरूषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि पोषण माह का प्रथम संदेश पोषण वाटिका से मिलता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध उत्पाद भी काफी पोषणयुक्त होते हैं और अनुसन्धानों से यह सिद्ध हुआ है कि हमारे प्रदेश में ग्रामीण स्तर पर उपलब्ध भोजन सभी प्रकार से पोषणयुक्त हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषाहार का नियमित सेवन करें। यह न केवल आसानी से उपलब्ध है अपितु शरीर की पोषण सम्बन्धी आवश्यकताओं की भी पूर्ति करते हैं। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाएं महिला सशक्तिकरण की दिशा में कारगर सिद्ध हो रही हैं। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना एवं मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के माध्यम से महिलाओं को संबल प्रदान करने का सफल प्रयास किया गया है। उन्न्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा तीन तलाक जैसी कठोर प्रथा को समाप्त करना देश की महिलाओं को आत्सम्मान प्रदान करने की दिशा में बड़ा कदम है। राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं तथा आशा कार्यकर्ताओं ने कोविड-19 संकट के समय में अत्यन्त सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने आशा जताई कि यह समूह भविष्य में भी कर्मठता एवं ईमानदारी के साथ कार्यरत रहेंगे। मुख्यातिथि ने इस अवसर पर पोषाहार प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रदर्शित स्थानीय पोषाहार में गहरी रूचि दिखाई। उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत स्थापित जागरूकता पट्ट पर हस्ताक्षर भी किए। इस अवसर पर अन्न प्राशन्न, गोद भराई की रस्म भी सम्पन्न करवाई गईं। एक बूटा बेटी के नाम के तहत पौधरोपण भी किया गया। इस अवसर पर बालिका सम्मान वाटिका में भी पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर पोषण के महत्व को दर्शाता रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। पाक कला प्रतियोगिता एवं पोषण रंगोली प्रतियोगिता कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को इस अवसर पर सम्मानित भी किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र तेगटा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की। वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सीमा गुप्ता ने पोषण में आयुष की भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर भाजपा मंडल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, ग्राम पंचायत चेवा की प्रधान सुमन देवी, ग्राम पंचायत बड़ोग के प्रधान सुनील कुमार, बीडीसी सदस्य किरण, ग्राम पंचायत चेवा के उप प्रधान संजय कुमार, छावनी परिषद डगशाई के पार्षद राकेश शर्मा, पूर्व बीडीसी सदस्य सुरेन्द्र शर्मा सहित आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक, कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं इस अवसर पर उपस्थित थीं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ गया है। जिसके चलते 1अक्तूबर तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। इस दौरान प्रदेश के मैदानी व मध्य पर्वतीय भागों में बारिश हो सकती है। वहीं उच्च पर्वतीय कुछ भागों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। धर्मशाला में आठ, शाहपुर में पांच और कांगड़ा में चार मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आया है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य है। केलांग में न्यूनतम तापमान 9.1 और ऊना में सबसे अधिक तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी शिमला व आसपास भागों में आज धूप खिलने के साथ हल्के बादल देखने को मिल रहे है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 केवी विद्युत लाईन के आवश्यक कार्य के दृष्टिगत 28 सितम्बर को सोलन के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियन्ता आर विदुर ने दी। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत 28 सितम्बर को प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक विवांता माॅल, न्यायालय परिसर, कलीन, हिमालयन पाइप, सुन्दर सिनेमा, पैरागोन होटल, हिमानी होटल, मैसर्ज रोमा फार्मा, अमर होटल एवं इसके आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में विद्युत आपूर्ति अगले दिन बाधित की जाएगी। उन्होंने इस अवधि के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
अन्तरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के आयोजन से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर चर्चा के लिए राज्य स्तरीय कुल्लू दशहरा समिति की बैठक आज यहां मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस वर्ष अन्तर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा 15 से 21 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। जयराम ठाकुर ने दशहरा उत्सव के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्सव के दौरान उचित सुरक्षा व्यवस्था व निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कोविड-19 महामारी से सुरक्षा के लिए समय-समय पर जारी विभिन्न दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले व त्योहार हमारी संस्कृति के द्योतक हैं। इनका संरक्षण एवं सवंर्धन सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार कृतसंकल्प है और इस दिशा में समय-समय पर विभिन्न कदम उठाए गए हैं। कुल्लू दशहरा की प्रदेश ही नहीं बल्कि विश्व में एक अलग पहचान है। यह हमारी धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वैश्विक कोरोना महामारी ने सम्पूर्ण विश्व को प्रभावित किया है। इससे सामान्य जन-जीवन ही नहीं बल्कि विभिन्न गतिविधियों, मेलों, त्योहरों और अन्य आयोजनों को भी प्रभावित किया है।शिक्षा, भाषा, कला एवं संस्कृति मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने दशहरा उत्सव आयोजन सम्बन्धी जिला स्तरीय समिति तथा जिला कारदार संघ के साथ आयोजित बैठकों की जानकारी दी। उन्होंने उत्सव के आयोजन से सम्बन्धित विभिन्न सुझाव दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि दशहरा उत्सव में आने के लिए सभी देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया जाएगा। उत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठान परंपरागत ढंग से आयोजित होंगे लेकिन इस वर्ष मेले में सांस्कृतिक तथा व्यावसायिक गतिविधियां नहीं होंगी। मेले के शुभारम्भ अवसर पर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेेकर जबकि समापन अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि होंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि भाषा एवं संस्कृति विभाग मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि जिला प्रशासन कुल्लू को प्रदान करेगा। विधायक सुरेन्द्र शौरी, एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, महासचिव कारदार संघ नारायण चैहान, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव भाषा, कला एवं संस्कृति आर.डी धीमान, उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग, पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरूदेव शर्मा, निदेशक भाषा एवं संस्कृति डाॅ. पंकज ललित तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
सोमवार को विश्व हिंदू परिषद जिला रामपुर की जिला बैठक प्रांत संगठन मंत्री नीरज दनोरिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। दीप प्रज्वलन करके इस बैठक का शुभारंभ किया गया। इस बैठक में विभाग संगठन मंत्री विनोद, विभाग मंत्री अनीता, जिला अध्यक्ष सुरेश मैहता, जिला सत्संग प्रमुख पूर्वदेव शर्मा, दुर्गा वाहिनी जिला सयोजिका कनिका, मातृ शक्ति जिला सयोजिका इंदिरा, जिला सहमंत्री नितेश, नगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा और प्रखंड के सभी दायित्ववान कार्यकर्ता उपस्थित रहें। सबसे पहले इस बैठक में राम जन्मभूमि आंदोलन के पुरोधा, विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष, अपना सम्पूर्ण जीवन के वेद, गंगा, गो व राष्ट्र सेवा हेतु समर्पित करने वाले राष्ट्र ऋषि हिन्दू ह्रदय सम्राट श्रद्धय अशोक सिंघल की जयंती पर 2 मिनट का मौन रखा गया। साथ में सभी कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में कार्य की परिस्थिति के बारे में जाना और सभी कार्यकर्ताओं को उनके दायित्व का बोध करवाया। आज हमारे देश में कई तरह का संकट है। सीमावर्ती क्षेत्र पर तो हमारे देश की सेना सक्षम है हर तरह का जवाब देने के लिए पर आज हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती हमारे देश के अंदर के कुछ लोगों से है जो आज लव जिहाद, फेरीवाले, धर्मांतरण हमारे सामने बहुत गम्भीर समस्या है इन समस्याओं से कैसे छुटकारा पा सकते है आदि विषय पर विस्तृत जानकारी दी गई सभी कार्यकर्ताओं ने अपने कार्यक्षेत्र में पूर्णतया इन सब बातों को ध्यान में रखकर कार्य करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने जिला कुल्लू में पंचायती राज संस्थाओं के होने वाले उप निर्वाचन - 2021 हेतु 1 अक्तूबर 2021 कोे मतदान के दिन विकास खंड निरमंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत दुराह में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। सम्बंधित ग्राम पंचायत में मतदान की तिथि को समस्त सरकारी कार्यालय, बोर्ड, निगम, शिक्षण संस्थान व दुकानें बंद रहेगी।
मनाली: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मनाली के मैदान में मनु हडिंबा क्लब मनाली द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय ओपन बास्केटबॉल टूर्नामेंट के समापन अवसर मुख्य अतिथि के रुप में मनाली विधानसभा कांग्रेस अध्यक्ष हरीश चंद शर्मा पहुंचे। इस प्रतियोगिता में सीनियर्स बास्केटबॉल प्रतियोगिता में हमीरपुर की टीम प्रथम स्थान पर रही, दूसरे स्थान पर हिमालयन वॉरियर्स मनाली टीम रही और under-21 में पहले स्थान पर मनु हडिंबा क्लब मनाली रहा और दूसरा स्थान ऊना की टीम ने झटका। साथ ही लड़कियों की प्रतियोगिता में पहले स्थान पर कटराईं की टीम रही और दूसरा स्थान मनु हडिंबा क्लब की टीम ने झटका। मनाली विधानसभा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा मनाली विधानसभा क्षेत्र में इस तरह के खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन होते रहने चाहिए, जिससे नई पीढ़ी को नशे की चपेट में आने से रोका जा सके और स्वस्थ युवा पीढ़ी का निर्माण हो जो देश और प्रदेश की उन्नति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने कहा "क्षेत्र में इस तरह की प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए जहां-जहां संभव होगा। हम अपनी भागीदारी अवश्य सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे।" हरी चन्द शर्मा ने मनु हडिंबा क्लब के अध्यक्ष दीपक सोनी व उनकी टीम को उन्हें इस राज्य स्तरीय ओपन बास्केटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बुलाने के लिए धन्यवाद कहा। इस अवसर पर मनाली विधानसभा कांग्रेस के प्रवक्ता चेतराम नेगी, कुल्लू जिला कांग्रेस सेवा दल के उपाध्यक्ष नेस राम कायस्था, मनाली विधानसभा कांग्रेस सोशल मीडिया संयोजक धर्मू वाष्टा और मनाली शहरी कांग्रेस के महासचिव राजेंद्र नेगी इत्यादि विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
शिमला के चौपाल में नेरूवा से लगभग 25 किलोमीटर दूर रोहाणा (मीनस) के पास एक पिकअप गाड़ी नंबर HR 58B 2522 दुर्घटना ग्रस्त हो गई है। गाड़ी सड़क से लगभग 10 मीटर नीचे जा गिरी है। प्राप्त जानकारी अनुसार यह गाड़ी विकासनगर से रोहडू टमाटर व प्याज़ लेकर जा रही थी। इस गाड़ी में दो व्यक्ति सवार थे। व्यक्तियों की पहचान भूरा पुत्र सतपाल गांव बरथाकायस्थ तहसील व जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश व् सोनू पुत्र मदन गांव पठेड तहसील व जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जानकरी के अनुसार दोनों व्यक्ति बिल्कुल सुरक्षित है जिन्हें इस हादसे के दौरान हल्की चोंटे आई है। वंही, गाड़ी में लदा टमाटर व प्याज़ में से टमाटर बुरी तरह नष्ट हो गया है।
लाहौल स्पीति : लाहौल के गांव दारचा में एक ट्रक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हुआ है। इकोमेन्ट ट्रक (HP-28-206069) NH-03 से लुढ़क गया। जिसमें चालक सहित दो लोगों की मौक़े पर ही मौत हो गई है। पुलिस मौक़े पर पहुंच गई है व हादसे के कारणों की जांच कर रही है। बता दें कि यह हादसा सोमवार सुबह 7 बजे के करीब पेश आया है।
जन जन तक सुविधाएं पहुंचाने में जुटी जयराम सरकार अब कठिनाई भरे इलाकों में ड्रोन का इस्तेमाल कर दवाएं और राशन जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की तैयारी कर रही है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ड्रोन पॉलिसी को और लचीला बनाने व सरकारों व लोगों को इसके प्रयोग को बढ़ाने की बात कहने के बाद प्रदेश के मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने इस संबंध में एक बैठक की है। बैठक के बाद सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने एक एक्शन प्लान तैयार किया है। जिसमे उन राज्यों से भी संपर्क साधा जाएगा, जहां पर ड्रोन का किसी तरह की सेवा के लिए सफल उपयोग किया गया है। प्लान में उन क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा, जिनमें ड्रोन की सेवाएं ली जा सकती हैं। चूंकि हिमाचल में पहले ही मुश्किल रास्तों और क्षेत्रों की भरमार है। ऐसे में इन क्षेत्रों में दवा, राशन के अलावा आपदा के समय किसी भी तरह की सप्लाई, कृषि व बागवानी में इस्तेमाल होने वाले छिड़काव के अलावा पीडब्ल्यूडी जैसे महकमों में सर्वे के लिए ड्रोन के प्रयोग की संभावनाओं की एक रिपोर्ट बनाई जाएगी। लोगों की जिंदगी की मुश्किलों को ड्रोन की मदद से आसान बनाने का प्रयास कर।
विद्यार्थियों के लिए सोमवार से फिर स्कूल खुल गए हैं। गत दिनों कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसले के अनुसार सप्ताह के पहले दिन सोमवार, मंगलवार और बुधवार को 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थी स्कूल आएंगे। गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों के लिए स्कूल खुलेंगे। विद्यार्थियों और स्कूल के तमाम स्टाफ को कोरोना को लेकर जारी एसओपी के तहत स्कूल आना होगा। स्कूलों में प्रवेश से पहले परिसर को सैनिटाइज किया जाएगा। विद्यार्थियों की प्रवेश से पहले थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। सभी को मास्क पहनना जरूरी होगा। विद्यार्थियों के लिए स्कूलों में लंच ब्रेक और आने-जाने का समय कक्षा अनुसार अलग-अलग रखा गया है। कक्षाओं में एक बेंच छोड़कर विद्यार्थी बिठाए जाएंगे। स्कूल के कमरे की क्षमता अनुसार 50 फीसदी विद्यार्थियों को ही एक साथ बिठाया जाएगा। शेष विद्यार्थियों की क्लास दूसरे कमरे में लगाई जाएगी। प्रार्थना सभा, खेलकूद सहित एकत्र होने वाली अन्य गतिविधियों पर भी रोक रहेगी। उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूल प्रिंसिपलों को विद्यार्थियों की क्षमता और कमरों की संख्या के अनुसार माइक्रो प्लान बनाने को कहा है। वहीं, आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं और परीक्षाएं जारी रहेंगी।
ग्राम पंचायत जखोटा में गुरेहड युवा क्लब के युवाओं द्वारा अंडर 20 कबड्डी टूर्नामेंट करवाया गया जिसके फाइनल मुकाबले में भुम्पल टीम विजेता रही। साथ ही बेला (नादौन) की टीम उपविजेता घोषित हुई। टूर्नामेंट के फाइनल मुक़ाबले में ग्राम पंचायत जखोटा के युवा प्रधान सुमित राणा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, वहीं विशेष तौर पर जोगिंदर सिंह (वॉर्ड मेंबर), कुलदीप सिंह, बलबीर सिंह, बहादुर सिंह, दिनेश कुमार, राजेश कुमार, सुमन कुमार मौजूद रहे। प्रधान सुमित राणा ने विजेता व उपविजेता टीम को ईनाम बांटे व बधाई दी, साथ में युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस दौरान युवा क्लब मेम्बर अभय राणा, रिशु, अक्षय राणा, मनीष कुमार, जतिन, नवू, लड्डू(आर्यन), अंकु, आदित्य(दितू), पम्मु, मन्नी, अंशुल, सूरज, साहिल, मिंटू भी उपस्थित रहे।
रविवार को ग्राम पंचायत आंजी के गाँव मौरि, सुमति, कथयाला में विधायक मिलन कार्यक्रम संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने सृष्टि महिला मंडल के नेतृत्व में विधायक कर्नल डॉ धनी राम शांडिल का भव्य स्वागत किया। बाद में स्थानीय लोगों ने विधायक के समक्ष एक एम्बुलेंस रोड दयोघाट से मौरि तक को पका करने की मांग रखी, दूसरी महिला मंडल भवन के निर्माण के लिए मांग रखी, तीसरी एक लिंक रोड बनाने की मांग रखी। वहीं अध्यक्ष संजीव ठाकुर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए विधायक द्वारा करवाये जा रहे कार्यों को बताया। वहीं बड़ती मंहगाई, बेरोजगारी से भी अवगत करवाया और लोगों की मांगों को विधायक के समक्ष प्रमुखता से उठाया। वहीं विधायक ने मंच से ही सारी मांगों को स्वीकार करते हुए लिंक रोड को पका करने के लिए दो लाख, महिला मंडल भवन निर्माण के लिए दो लाख और लिंक रोड निर्माण के लिए एक लाख देने कि घोषणा की। साथ ही क्षेत्र में पीने के पानी की कमी को सुचारू रूप से चलाने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए। महिला शक्ति से किरन मेहता, जिला कॉंग्रेस के महासचिव हेम राज ठाकुर, पंचायत प्रधान कविता, ममता, उषा, भारत भूषण, यशवंत, निश्चल कुमार, सुरिन्दर ठाकुर, सृष्टि महिला मंडल के सदस्य सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत सेवड़ा चंडी के बड़ोग गांव में दो भालू के बच्चे एक टैंक में फंस गए जिन्हें वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला। रविवार की सुबह चंडी ब्लॉक से वन खंड अधिकारी सत्यदेव शुक्ला को सूचना मिली की चंडी बड़ोग में दो भालू के बच्चे एक टैंक के बीच में फंस गए हैं और बाहर मादा भालू ने भयावह वातावरण बना रखा है। खंड अधिकारी दानोघाट सत्यदेव शुक्ला ने वन मंडल अधिकारी कुनिहार एचके गुप्ता को सूचित किया तथा एसएचओ दाड़लाघाट जीत सिंह को भी इस घटना की तुरंत सूचना की। एसएचओ जीत सिंह की अगुवाई में एक टीम चंडी को रवाना हुई। उधर शिमला से वन्य प्राणी रेस्क्यू टीम जिसमें 2 डॉक्टर तथा तीन वन खंड अधिकारी विनय कुमार की अगुवाई में चंडी पहुंची।वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि टैंक में लगभग डेढ़ फुट पानी के मध्य भालू के बच्चे चीखें मार रहे थे और बाहर मादा भालू रेस्क्यू टीम के कार्य में बाधा डाल रही थी। वह भय के कारण टैंक के समीप नहीं जा पा रहे थे। अंततः, उन्होंने जोखिम उठाते हुए एक सीढ़ी जैसे कैसे टैंक में डाली और दोनों भालू के बच्चे सीढ़ी को लांघकर एकदम बाहर निकले और अपनी मां के साथ जंगल में चले गए। वन मंडल अधिकारी कुनिहार एचके गुप्ता ने इस घटना की पुष्टि की है।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन का राज्य स्तरीय अधिवेशन रविवार को संजौली में हुआ। प्रदेश के 12 जिलों से आए हुए पदाधिकारियों ने इस अधिवेशन में भाग लिया। अधिवेशन की अध्यक्षता करते हुए रवि कुमार दलित ने कहा कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन हिमाचल प्रदेश दलितों पर हो रहे अत्याचारों को लेकर गंभीर है। प्रदेश के अंदर दलितों के साथ लगातार जातिवाद छुआछूत और उनकी हत्याएं हो रही है। सरकारें पूरी तरह से मूकदर्शक बनी हुई है और विपक्ष में बैठी हुई कांग्रेस पार्टी भी दलितों की आवाज उठाने में असमर्थ है। रवि कुमार ने कहा कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन पूरे प्रदेश में दलितों के अधिकार संविधान की रक्षा एट्रोसिटी के अधिकारों को लेकर प्रदेश व्यापी आंदोलन शुरू करेगा जिसमें जिला स्तर और ब्लॉक स्तर पर कार्यकारिणी का विस्तार कर जल्द ही रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिमला के अंदर और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली पानी और कूड़े के बिलों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है और शिमला शहर में कूड़े के बिलों को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने एक ज्ञापन नगर निगम आयुक्त को दिया था जिसको लेकर नगर निगम गंभीर नहीं है और अब भीम आर्मी भारत एकता मिशन जल्द ही नगर निगम शिमला का घेराव भी करेगा। रवि कुमार दलित ने कहा कि प्रदेश में भीम आर्मी भारत एकता मिशन सभी जातियों में गरीब लोगों के अधिकारों की आवाज को प्रमुखता से उठाएगी और जो सरकारें लगातार गरीब और दलितों का शोषण कर रही है उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला कुल्लू में विशेष अन्वेषण शाखा के द्वारा समय समय पर नशे के कारोबार पर प्रहार किया जा रहा है और मादक पदार्थ अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में लगातार विशेष अन्वेषण शाखा की टीम अलग अलग जगह पर रेड करके, नाकाबंदी करके, आरोपियों की धरपकड़ कर रही है। इसी कड़ी के दौरान पिछले कल देर रात विशेष अन्वेषण शाखा के द्वारा बंजार इलाके में औचक नाकाबंदी की गयी थी। इस नाका बंदी के दौरान बंजार क्षेत्र के गूशेनी नामक स्थान पर एक व्यक्ति को शक के आधार पर रोका गया जिसकी तलाशी के दौरान उसके बैग से 1 किलो 522 ग्राम चरस बरामद हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और रविवार को अदालत में पेश करके रिमांड हासिल किया जा रहा है। आरोपी की पहचान देवी राम पुत्र पुर्ण चंद गाँव मशियार, तहसील बंजार ज़िला कुल्लू, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है।
शिमला में विधायक आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस मौके पर कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि वह विकास में विश्वास रखते है। उन्होंने इसके लिए क्षेत्र के सभी चुने हुए जिला परिषद, पंचायत समिति, पंचायत प्रधान व अन्य सदस्यों के साथ साथ लोगों का उन्हें विकास कार्यो में सहयोग देने के लिए आभार प्रकट किया। अपने निर्वाचन क्षेत्र शिमला ग्रामीण के उदासीन आश्रम बनुटी में विधायक आपके द्वार कार्यक्रम में बोलते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज उनका यह चुनाव क्षेत्र विकास के मामलें में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास बोलता भी है और दिखता भी है। विक्रमादित्य सिंह ने इस दौरान लोगों की समस्याओं को भी सुना और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने यहां विकास कार्यो महिला मंडल, युवक मंडल के निर्माण कार्य हेतु 12 लाख की विधायक निधि भी स्वीकार की। इस दौरान उनके साथ ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल शर्मा,शिमला जिला परिषद की सदस्य प्रभा वर्मा,चंद्र शेखर शर्मा,दवेंद्र कुमार, राजेश शर्मा, जीत सिंह ठाकुर, भूपेंद्र शर्मा, मोहन ठाकुर, प्रेम ठाकुर, जितेंद्र ठाकुर, सुरेश कुमार, अनूप कुमार, नरेंद्र कुमार, सरोज शर्मा, निधि, चंद्र कांता, रंजना रुहाल, चंद्रा बत्ती, ऊषा, राहुल कश्यप, जगदीश, नरेंद्र ठाकुर, ऊषा ठाकुर, संजय ठाकुर, विनय ठाकुर, नरेंद्र शर्मा केअतिरिक्त 22 पंचायतों के कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
जिला किन्नौर में न्यू पेंशन कर्मचारी महासंघ जिला के तीनो खण्डो का पुनर्गठन करेगा। यह जानकारी महासंघ के राज्य उपाध्यक्ष बलदेव बिष्ट ने रिकांगपिओ में बैठक के दौरान दी। उन्होंने बताया कि इसमें सबसे पहले 29 सितम्बर को निचार खंड का पुनर्गठन किया जाएगा जिसमें हर विभाग के कर्मचारियों को मौका दिया जायेगा, जो इस पेंशन बहाली के लिए तन मन धन से साथ दे, उन्होंने प्रत्येक विभाग के कर्मचारियों से आह्वान किया है कि वे अपने हक के लिए आगे आए व संगठन का साथ दें। बिष्ट ने कहा कि महासंघ द्वारा अभी चार सालो से पुरानी पेंशन को बहाल करने के लिए बहुत प्रयास किया गया है। इसी कारण हमें एम आर व डी.सी.आर.जी. प्राप्त हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि महासंघ का मुख्य मुद्दा पुरानी पेंशन को बहाल करने का है जबकि सरकार अपने वादे से मुकर रही है क्योंकि 18 दिसंबर 2018 को धर्मशाला के तपोवन में एन पी एस के कर्मचारियों से मुख्य्मंत्री ने वादा किया था कि पुरानी पेंशन को बहाल करने के लिए महीने के अंदर कमेटी बनाई जाएगी, उस के बाद भी कई बार मिले परन्तु अभी चार साल बीत जाने पर भी हमें झूठे आश्वासन मिलते रहे, परन्तु अब कर्मचारी चुप नही बैठेंगे तथा अगर सरकार विधानसभा चुनाव से पहले पुरानी पेंशन बहाल नही करती है तो लाखो कर्मचारी सड़को पर उतरकर जन आंदोलन करेंगे।
कुल्लू में बुनकर सेवा व डिजाइन रिसोर्स केन्द्र की स्थापना की जाएगी जो राज्य के खूबसूरत हस्तशिल्प उत्पादों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनके निर्यात के लिए बेहतर मंच प्रदान करेगा। केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने आज कुल्लू के अटल सदन में हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्णिम जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में सेवा व समर्पण अभियान के अंतर्गत हस्तशिल्प एवं हथकरघा कारीगरों के साथ एक संवाद कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए यह घोषणा की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। पीयूष गोयल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हस्तशिल्प की अपार संभावनाएं मौजूद है। उन्होंने कहा कि यदि इस केन्द्र के लिए पहले से तैयार कोई भवन उपलब्ध है तो इसका संचालन तुरन्त आरम्भ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि डिजाइनिंग, गुणवत्ता, पैकेजिंग तथा विपणन को आधुनिक बनाने पर और अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि बुनकरों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपने उत्पादों के बढि़या दाम मिले। केन्द्रीय मंत्री ने प्रदेश के उत्पादों का बड़े शहरों के अलावा कपड़ा उद्योग से जुड़े लोगों तथा पांच सितारा होटलों में जिलावार प्रदर्शनियां आयोजित करने का सुझाव दिया ताकि इनकी ब्रैण्डिग राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो। उन्होंने बुनकरों से कहा कि वे अपना टेªडमार्क प्राप्त करें जिसके लिए केन्द्र सरकार ने पंजीकरण शुल्क 80 फीसदी कम कर दिया है। केन्द्र सरकार ने हस्तशिल्प वस्तुओं के प्रोत्साहन के लिए एक समिति का गठन भी किया है जो इनकी गुणवत्ता, डिजाईन व विपणन को बेहतर बनाने के सुझाव सरकार को देगी। उन्होंने इसी प्रकार की समिति हिमाचल प्रदेश में गठित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सौ फीसदी पात्र आबादी को कोरोना की पहली डोज प्रदान करने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि दूसरी डोज प्रदेश के 47 प्रतिशत लोगों को प्रदान की जा चुकी है और नवम्बर अंत तक सौ फीसदी आबादी को दोनों डोज देने के लिए भी प्रदेश देश का पहला राज्य बनेगा। प्रदेश के लिए बुनकर सेवा व डिजाईन रिसोर्स केन्द्र प्रदान करने की उनकी मांग को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री ने पीयूष गोयल का आभार व्यक्त किया। इससे पहले, केन्द्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री के साथ अटल टनल, रोहतांग का दौरा किया। केन्द्रीय मंत्री तथा मुख्यमंत्री ने बुनकरों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर हथकरघा व हस्तशिल्प पर एक लघु वृतचित्र भी दिखाया गया जिसमें जिला में इस क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख किया गया है।
शिमला: प्रदेश कांग्रेस 28 सितंबर को प्रदेश भर में सरकारी नौकरियों में प्रदेश के बाहरी लोगों की नियुक्तियों के विरोध में सभी जिला मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन करेगी। इस बात की प्रदेश कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल ने दी। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालयों में प्रदेश सरकार की सरकारी नौकरियों में भेदभाव कर जिस प्रकार प्रदेश से बेरोजगारों के साथ अन्याय किया जा रहा है उसके खिलाफ कांग्रेस चुप नही बैठेगी। हिमराल ने कहा कि अभी हाल ही में जेई के पदों पर प्रदेश के बाहरी लोगों की नियुक्तियां की गई है, वह प्रदेश के बेरोजगारों के साथ बहुत बड़ा धोखा है।
लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीपाद श्रीराम ने लेह से मनाली तक 472 किमी सबसे तेज एकल साइकिलिंग अभियान में नया गिनीज रिकॉर्ड स्थापित किया है। उन्होंने लेह से मनाली पहुंचने में रोहतांग दर्रे से होते हुए 34 घण्टे 32 मिनट का समय लगाया। उन्होंने अपने ही साथी लेफ्टिनेंट कर्नल भरत पन्नू का रिकॉर्ड तोड़ा है। भरत पन्नू ने 35 घण्टे 32 मिनट का समय लगाकर रिकॉर्ड बनाया था। मनाली पहुंचने पर एसडीएम मनाली डॉक्टर सुरेंद्र ठाकुर और डीएसपी मनाली संजीव कुमार ने लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीपाद श्रीराम का मनाली पहुंचने पर स्वागत किया और समय दर्ज किया। लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीराम लेह से 25 सितंबर को सुबह चार बजे चले और 26 सितंबर 2021 को शाम लगभग सवा तीन बजे मनाली पहुंच गए।अपने अनुभव सांझा करते हुए लेफ्टिनेंट श्रीपाद श्रीराम ने बताया कि दर्रों में रात का समय सफर करना चुनोती था। उन्होंने बताया कि बारालाचा दर्रे में तापमान माईनस पर था लेकिन हिम्मत से काम करते हुए सफलता पाई। उन्होंने कहा कि मनाली लेह मार्ग हालांकि अधिकतर जगह चकाचक हो गया है लेकिन सरचू भरतपुर सिटी, व रोहतांग मढ़ी के बीच खराब सड़क के कारण समय अधिक लगा है। इससे पहले रिकॉर्ड बनाने वाले लेफ्टिनेंट कर्नल भरत पन्नू को अपना आदर्श बताते हुए कहा कि उनके मार्ग दर्शन में ही यह सफलता पाने में सफल रहा हु। इस दौरान मनाली एसडीएम व डीएसपी संजीव कुमार ने लेफ्टिनेंट श्रीपाद श्रीराम का स्वागत किया और रिकॉर्ड बनाने पर उन्हें बधाई दी।
शिमला: भाजपा की प्रदेश पदाधिकारी बैठक कल 27 सितंबर को होटल पीटरहॉफ शिमला में होने जा रही है। भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना एवं भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन इस महत्वपूर्ण बैठक के लिए शिमला पहुंच गए है। भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना का स्वागत प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, सचिव पायल वैद्य, प्यार सिंह, कोषाध्यक्ष संजय सूद, मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, सह प्रभारी कर्ण नंदा एवं ज़िला शिमला प्रभारी डेज़ी ठाकुर द्वारा भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल चक्कर मे किया गया।भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन का स्वागत ज़िला अध्यक्ष रवि मेहता , मंडल अध्यक्ष राजेश शारदा एवं कार्यकर्ताओं द्वारा सिर्किट हाउस में किया गया। भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह का स्वागत होटल पीटरहॉफ में प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप द्वारा किया गया। भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, ज़िला अध्यक्ष, ज़िला प्रभारी एवं सह प्रभारी बैठक कल प्रातः 11 बजे शुरू होने जा रही है। बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
सीपीआईएम का दो दिवसीय 17वां सम्मेलन कुल्लू में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में डॉ.ओंकार शाद को राज्य सचिव चुना गया। इसके साथ ही 7 सदस्यीय राज्य सचिवमंडल का भी गठन किया गया। जिसमें डॉ.ओंकार शाद के अलावा राकेश सिंघा, डॉ.कश्मीर सिंह ठाकुर, डॉ.कुलदीप सिंह तँवर, प्रेम गौतम, कुशाल भारद्वाज, संजय चौहान शामिल हैं। राज्य सम्मेलन में 30 सदस्यीय राज्य कमेटी का गठन भी किया गया। जिसमें डॉ.ओंकार शाद सचिव, राकेश सिंघा, डॉ.कश्मीर सिंह ठाकुर, डॉ. कुलदीप सिंह तँवर, प्रेम गौतम, कुशाल भारद्वाज, संजय चौहान, विजेंद्र मेहरा, भूपेन्द्र सिंह, सत्यवान पुण्डीर, देवक़ीनन्द, जगत राम, रविन्द्र, नारायण सिंह, राजेन्द्र चौहान, विश्वनाथ शर्मा, जयवंती, संतोष कपूर, होत्तम सोंखला, अशोक कटोच, राजेन्द्र ठाकुर, मोहित वर्मा, जोगिंदर सिंह, मोहिंद्र राणा, विजय शर्मा, केके राणा, सुदेश कुमारी, फालमा चौहान, नरेन्द्र, सतपाल शामिल हैं। कमेटी में स्थाई आमंत्रित सदस्य के तौर पर राम सिंह को शामिल किया गया। कंट्रोल कमीशन में जगमोहन ठाकुर को अध्यक्ष और डॉ. रीना सिंह व प्रताप राणा को सदस्य बनाया गया। सम्मेलन में पार्टी के 23वें महासम्मेलन के लिए 4 सदस्यों का चयन किया जिनमें राकेश सिंघा, डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर, डॉ. कुलदीप सिंह तँवर, प्रेम गौतम महासम्मेलन में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। किसी सदस्य के न जाने पर उनके स्थान पर फालमा चौहान को भेजा जाएगा। सम्मेलन में प्रदेश की राजनैतिक, आर्थिक और सामाजिक स्थिति पर चर्चा की गई। संगठन को मज़बूत बनाने के लिए प्रदेश भर से शामिल हुए 195 पार्टी सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव रखे। सम्मेलन में 8 प्रस्ताव पारित किए गए जिनमें श्रम कानूनों में बदलाव के विरोध, नई शिक्षा नीति के विरोध, बेरोज़गारी के खिलाफ, निजीकरण और मौद्रीकरण के विरोध में प्रस्ताव पारित करने के साथ-साथ महिलाओं के मुद्दों, दलितों की समस्याओं और मांगों, कृषि, बागवानी, एवं पशुपालन के मुद्दों, भूमि अधिग्रहण कानून, 2013(पुनर्स्थापना, पुनर्वास व 4 गुना मुआवज़ा) को प्रदेश में लागू करवाने पर भी प्रस्ताव पारित किए गए।
ओबीसी सूची से जाति का नाम हटाए जाने पर प्रदेश का गंघर्व समुदाय काफी क्षुब्ध है। इसी बाबत गंधर्व कल्याण परिषद हिमाचल प्रदेश के एक के एक प्रतिनिधि मंडल ने अध्यक्ष विद्यानंद सरैक के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को तूरी, हासी और ढाकी जाति को ओबीसी से हटाए जाने बारे में विस्तार से अवगत करवाया गया। परिषद के प्रेस सचिव रमेश सरैक ने बताया कि सीएम जयराम ने उन्हें इस विषय पर विचार करने का आश्वासन दिया है। रमेश सरैक ने बताया कि उनके साथ एक बहुत बड़ा अन्याय हुआ है। इनका कहना है कि गंधर्व अर्थात तूरी, हासी और ढाकी जाति प्रदेश में सबसे अल्पसंख्यक श्रेणी में आती है। सबसे अहम बात यह है कि इनके द्वारा देव संस्कृति और देव परंपराओं को सदियों से निभाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस जाति के अनेक ऐसे परिवार है जोकि आज भी देवताओं की जमीन पर काश्त करके रोजी रोटी कमा रहे हैं। भारत सरकार द्वारा 1993 में जारी सूची में तूरी, हैसी और ढाकी जाति का नाम शामिल थे। जिसकी सूची सीएम को भी दी गई है। ओबीसी के आधार पर इस जाति वर्ग के अनेक लोगों द्वारा वर्ष 2000 और 2005 में पंचायत चुनाव भी लड़ा गया था। वर्ष 2014 तक ओबीसी सूची में इस जाति का जिक्र किया गया था परंतु अक्समात इन जातियों को ओबीसी सूची से हटाया गया जोकि इन जातियों के साथ बहुत बड़ा अन्याय है । बता दें कि इन जाति वर्ग की ऐसी स्थिति हो गई है कि इनको न ही स्वर्ण और न ही अनुसूचित जाति श्रेणी में माना जाता है। रमेश सरैक का कहना है कि गंधर्व समुदाय का प्रदेश की संस्कृति के संवर्धन व संरक्षण में अहम भूमिका निभाई जा रही है और प्रदेश में आदिकाल से गाए जाने वाले लोकगीतों, पारंपरिक वाद्य यंत्रों व देव पंरपराओं का संजोए रखा है। इनका कहना है कि गंधर्व समुदाय का नाम ओबीसी की सूची से किस रिपोर्ट के आधार पर काटा गया है इसकी जांच होनी चाहिए। प्रतिनिधि मंडल में उपाध्यक्ष भूषण, हेतराम गंधर्व, रामदयाल सैनी, महासचिव बेलीराम, अतर सिंह, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार, रमेश गंधर्व सहित गंधर्व कल्याण परिषद के अन्य सदस्य शामिल थे।
दी कुर्गन लैंड लूजर सोसाइटी मांगू के चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए। सोसायटी के महासचिव कुलदीप पुरी ने बताया कि चुनाव में कुल 5 वार्ड बनाए गए थे, जिसमे एक नंबर वार्ड से रत्नचंद, दो नंबर वार्ड से जितेंद्र कुमार, वार्ड नंबर 3 से दिलीप कुमार, वार्ड नंबर चार से मदनलाल व वार्ड नंबर 5 से करमचंद विजय घोषित किए गए। इसमे रतन चंद को प्रधान पद तथा उपप्रधान पद के लिए मदनलाल को चुना गया व कोषाध्यक्ष पद पर दिलीप कुमार तथा जनरल सचिव पद पर जितेंद्र कुमार और सदस्य करमचंद को बनाया गया। नवनियुक्त प्रधान रत्न चंद ने कहा कि सोसाइटी के सभी सदस्यों का उन्हें प्रधान बनाने पर धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह सभी को साथ लेकर निष्ठा व मेहनत से कार्य करेंगे।
ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में एक बैठक का आयोजन हुआ। यह बैठक जगदीश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। सुधार सभा के महासचिव प्रेम केशव ने बताया कि बैठक में प्रदेश सरकार से सोलर फेंसिंग लगाने के लिए 80% अनुदान राशि स्वीकृत की जाए तथा 20% राशि अम्बुजा सीमेंट कंपनी से स्वीकृत की जाए। वहीं अम्बुजा सीमेंट कम्पनी को अपने किए वायदे के तहत गरीब लेंड लूजर को आवश्यक मदद करने का आग्रह भी किया गया। लोगों ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि इस कोरोना काल में किसानों की मदद की जाए तथा निजी स्कूलों की कोरोना काल मे फीस माफी की जाए। बैठक में गांव बरायली, बुडम, स्तोटी, स्यार, सुल्ली, नोणी, बागा, खाता, पछीवर, जाबलु, चल्यावन सहित ग्राम पंचायत दाड़ला, रौडी (धार) व बरायली के लोगों ने भाग लिया।


















































